सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के अंतर्गत त्रिमूर्ति रंगमंच के कलाकारों ने आज ग्राम पंचायत थड़ी व मौहरी, वंदना कला मंच ने ग्राम पंचायत टियाली व चियोग, लोटस वेलफेयर सोसायटी ने ग्राम पंचायत केलवी व धर्मपुर, स्वर साधना कला मंच ने ग्राम पंचायत खड़ा पत्थर व मंढोल तथा जय देव कुर्गण सामाजिक एवं सांस्कृतिक कला मंच ने ग्राम पंचायत शकरोड़ी व घरयाणा में प्रदेश सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों तथा अनुसूचित जाति के कल्याणार्थ सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं का गीत-संगीत व लोक नाट्य के माध्यम से प्रचार कर लोगों को जागरूक किया। कलाकारों ने बताया कि कम्प्यूटर एप्लीकेशन व समवर्गी क्रिया-कलापों में प्रशिक्षण एवं दक्षता योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति व जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, एकल परी, विधवा, दिव्यांग के बीपीएल, परिवार से संबंधित अभ्यार्थियों या जिनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम हो, को विभिन्न कम्प्यूटर कोर्स में प्रशिक्षण दिया जाता है। योजना के अंतर्गत 1350 रुपये प्रतिमाह प्रशिक्षण की फीस (दिव्यांग अभ्यार्थियों के लिए 1500 रुपये प्रशिक्षण फीस) तथा प्रशिक्षण के दौरान एक हजार रुपये प्रतिमाह प्रति प्रशिक्षणार्थी छात्रवृत्ति (दिव्यांग अभ्यार्थियों के लिए 1200 रुपये प्रति प्रशिक्षणार्थी छात्रवृत्ति) दी जाती है। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सफल उम्मीदवार को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र दिया जाएगा और उन्हें छः माह के लिए सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में कम्प्यूटर एप्लीकेशन में प्रवीणता प्राप्त करने के लिए रखा जाता है तथा इस अवधि के दौरान उन्हें 1500 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति (दिव्यांग अभ्यार्थियों के लिए 1800 रुपये प्रति प्रशिक्षणार्थी छात्रवृत्ति) दी जाती है। सांस्कृतिक दलों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष लघु नाटिकाआंे के माध्यम से भी बताया कि नशे का सेवन कितना खतरनाक है और यह युवा पीढ़ी को किस तरह से प्रभावित कर रहा है। इस अवसर पर कलाकारों ने कोविड-19 के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने बारे लोगों को जगरूक कर कोरोना वैक्सीन लगाने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत थड़ी के प्रधान कपिल शर्मा, ग्राम पंचायत मौहरी की प्रधान पार्वती वर्मा, ग्राम पंचायत मंढोल के प्रधान चन्द्र सिंह, ग्राम पंचायत दुधालटी के उप-प्रधान नरेन्द्र शर्मा, ग्राम पंचायत शकराह के प्रधान इन्द्र सिंह, ग्राम पंचायत केलवी के प्रधान अंजना व उप-प्रधान सुनिल कुमार, ग्राम पंचायत टियाली के उप-प्रधान नारायण ठाकुर, ग्राम पंचायत चियोग के प्रधान दिनेश कुमार और ग्राम पंचायत शकरोड़ी के प्रधान संजय तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ में सेवा सप्ताह के अंतर्गत प्रचार्य डॉ अनिल डोगरा की अध्यक्षता में प्रज्ञा दिवस मनाया गया। जिसमें वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेकर अपने जिदंगी के जनून को विद्यार्थियों और प्रध्यापक के साथ साझा किए। जिसमें पढ़ाई के साथ साथ माता पिता की सेवा, बुजुर्गों का मान सम्मान, समय का महत्व, भारत को आगे बढ़ाना और अपने जीवन के अमूल्य अनुभव साझा किए। मंच की संचालक प्रोफेसर मीना ने भी बच्चों को बजुर्गों के प्रति जागरूक किया। वहीं बच्चों द्वारा बरिष्ठ नागरिकों के प्रति मान सम्मान में अपने अपने विचार साझा किए। इस मौके पर प्रोफेसर रजनीश, प्रोफेसर सुषमा, प्रोफेसर मीना, प्रोफेसर नमिता, स्त्रदिन, वरिष्ठ बुजुर्ग में ठेकेदार प्रकाश चन्द, एसएमसी प्रधान ज्योति, पूर्व प्रधान रत्न सिंह राठौर, पूर्व प्रधान उपेन्द्र कुमार, सेवानिवृत्त प्रिसिंपल प्रकाश ठाकुर, सेवानिवृत्त पीटीआई कश्मीर सिंह, महिंदर सिंह, शेर सिंह मौजूद रहे।a
आयुष्मान भारत प्रधान मंत्री जन आरोग्य योजना के 3 साल पूरे होने के उपलक्ष पर आज जिला सिरमौर के स्वास्थय खण्ड राजपुर कि पंचायत बढ़ाना में आयुष्मान भारत दिवस मनाया गया जिसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला सिरमौर, डॉ संजीव सहगल सहित पंचायत प्रधान बढ़ाना व पंचायत सचिव बढ़ाना, जिला समन्वयक अधिकारी आयुष्मान भारत उपस्थित रहे। योजना कि शुरुआत 23 सितम्बर 2018 को हुई थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया की जिला में 31156 परिवार इस योजना के तहत पात्र हैं, जिसमे से 30231 परिवारों के कार्ड बनाये गए हैं, यानि अब तक 97 प्रतिशत परिवार पंजीकृत हो चुके हैं। उन्होंने छुटे हुए परिवारों से अनुरोध किया कि सभी पात्र परिवार अपना कार्ड जल्दी बनवा लें ताकि जिला में 100 प्रतिशत लोग इस लाभकारी योजना से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि 23 सितम्बर 2019 को प्रधान मंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत लाभर्थियों के पंजीकरण में किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार से जिला सिरमौर को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया था। जिला में अब तक 9275 लाभार्थी इस योजना के तहत 93854027 रुपए का लाभ ले चुके हैं। जिला में कुल 14 अस्पताल योजना के अंतर्गत पंजीकृत है, जिसमें 7 सरकारी अस्पताल और 7 प्राइवेट अस्पताल शामिल हैं। डॉ संजीव सहगल ने बताया कि योजना के तहत प्रदेश भर में सबसे पहली लाभार्थी जिला सिरमौर से सुषमा थी, जो राजगढ़ अस्पताल में भर्ती हुई थी। इस योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष प्रत्येक परिवार को 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा का प्रावधान है। इस योजना में भारत सरकार द्वारा करवाए गए सामाजिक आर्थिक जातिगत जनगणना सर्वेक्षण 2011 के चयनित परिवार व राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के 2014-2015 के लाभार्थी शामिल हैं। योजना के तहत गंभीर बीमारियों सहित लगभग सभी तरह की बीमारियां कवर हैं। इस योजना में 5 लाख के स्वास्थ्य बीमा राशि में अस्पताल में भर्ती होने पर किसी तरह का कोई खर्चा नहीं होगा। कोई भी व्यक्ति 14555 डायल करके या सेवा केंद्र के माध्यम से इस योजना में बारे में जानकारी ले सकते हैं। पात्र परिवार अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र से अपना और अपने परिवार का आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड बनवा सकते हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा लाभार्थियों को आयुष्मान भारत कार्ड भी वितरित किए गए।
डॉ वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के पुष्प एवं स्थल सौंदर्य विभाग में सुखाए गए फूलों के लिए चार दिवसीय दो प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा प्रदत्त परियोजना ‘पॉपूलराइजेषन ऑफ वैल्यू एडिशन इन ड्राई फ्लावर्स एण्ड लिंकिंग फामर्स टू द मार्केट’ के माध्यम से किया गया था। इन शिविरों में सोलन, कण्डाघाट, नौणी तथा शमरोड़ पंचायत की महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सुखाए गए फूलों से बनाए जाने वाली मूल्यवर्द्धित वस्तुएं जैसे पुष्प् सज्जा, बर्डस तथा राखियां बनानी सिखाई गई। परियोजना की मुख्य अन्वेषक डॉ भारती कश्यप ने बताया कि अगर प्रशिषणार्थी अच्छी वस्तुएं बनाएंगे तो उसे विश्वविद्यालय द्वारा खरीदने की सुविधा भी प्रोजेक्ट में मौजूद है तथा उसके लिए विश्वविद्यालय के गेट पर एक विक्रय सेंटर पहले से ही स्थापित कर लिया गया है। शृंखला की पहली ट्रेनिंग के समापन समारोह में निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ देवेन्द्र गुप्ता तथा दूसरी ट्रेनिंग में निदेशक अनुसंधान डॉ रवीन्द्र शर्मा मुख्य अतिथि रहे। विश्वविद्यालय द्वारा 38 प्रशिक्षण अर्थों को सुखाए गए फूलों से संबन्धित किट तथा सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए। योजना के अंतर्गत ही एक प्रशिक्षणार्थी का चयन कौशल परीक्षा द्वारा किया जाएगा। जिसे एक वर्ष तक 3000रु प्रतिमाह मानदेय एवं विस्तार में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभागाध्यक्ष डॉ सीताराम धीमान ने बताया कि विभाग का ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का उदेशय अधिक से अधिक लोगों को सुखाए गए पुष्पों के व्यवसाय से जोड़ना है। विभाग द्वारा एक अन्य महिला बिमला देवी पहले ही अपनी कम्पनी ‘एवरलास्टिंग्स’ स्थापित कर चुकी है और इस रोजगार से जुड़ चुकी है।
लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। फसलों को हुए नुकसान हेतु किसानों ने मुआवजे की मांग की है। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के आधा दर्जन गांवों की तैयार हुई मक्की तथा धान की फसल तेज आंधी व भारी बारिश से खेतों में लेट गई है। इस कारण किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। ग्रामीणों में ग्राम पंचायत दाड़लाघाट सुधार सभा के महासचिव प्रेम केशव, पूर्व उपप्रधान हेतराम, बाबूराम, रोशन ठाकुर, रूपलाल, जगन्नाथ, धनीराम चौधरी, इंदर सिंह चौधरी, रामदत्त जसवाल, रामदत्त ठाकुर, कलीराम, लायक राम शुक्ला, जगदीश ठाकुर, सोहनलाल, देवी सिंह, रिंकू गौतम, मनसाराम, धर्मचंद शर्मा, हरीश कुमार, प्यारे लाल, विनोद शर्मा, हरि ओम आदि ने बताया कि मक्की काफी बड़ी हो गई थी। मंगलवार व बुधवार को चली तेज हवाओं ने मक्की की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। किसानों ने बताया कि इस बार मक्की की फसल अच्छी थी, लेकिन बुधवार तेज बारिश और आंधी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। इन किसानों ने बताया कि मक्की सहित अन्य मौसमी फसलों पर भारी नुक़सान हुआ है। अब तक उनके द्वारा फसल उगाई के लिए किया गया बुवाई का खर्च वे उनके द्वारा की गई मेहनत पर पूरी तरह पानी फिर चुका है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि नुकसान का जायजा लेकर क्षेत्र के किसानों को राहत प्रदान की जाए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि महत्वाकांक्षी हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के अन्तर्गत अब तक सोलन जिला में सभी पात्र परिवारों को 17,059 रसोई गैस कुनैक्शन निःशुल्क वितरित किए गए हैं। डाॅ.सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर एवं परवाणू में 110 पात्र लाभार्थियों को रसोई गैस कुनैक्शन वितरित करने के उपरान्त सम्बोधित कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने आज धर्मपुर में सोलन विकास खण्ड की 3 ग्राम पंचायतों के 7 पात्र लाभार्थियों तथा धर्मपुर विकास खण्ड की 10 ग्राम पंचायतों के 76 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस कुनैक्शन प्रदान किए। उन्होंने परवाणू में धर्मपुर विकास खण्ड की 3 ग्राम पंचायतों के 27 लाभार्थियों को गैस कुनैक्शन वितरित किए। उन्होंने धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत जाबली के 34, ग्राम पंचायत कसौली गढ़खल के 8, आंजी मातला के 5, सनवारा के 4, चामियां के 5, जगजीतनगर के 7, गनोल के 4, नाहरी की 1, धर्मपुर के 7, कोटबेजा के 4, प्राथा के 10, ग्राम पंचायत टकसाल के 13 तथा विकास खण्ड सोलन की ग्राम पंचायत भोनजनगर के 2, कोरों कैंथड़ी के 1 तथा ग्राम पंचायत चेवा के 4 लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस कुनैक्शन वितरित किए। डाॅ. सैजल ने कहा कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना पूरे देश में एक आदर्श योजना के रूप में सराही गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना वर्तमान प्रदेश सरकार की हर वर्ग को लाभान्वित करने के संकल्प का जीवन्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से जहां प्रदेश की गृहिणियों को सुरक्षित सुविधा प्राप्त हुई वहीं प्रदेश के पर्यावरण पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। आयुष मंत्री ने कहा कि सोलन जिला में आज तक इस योजना के तहत 17059 गैस कुनैक्शन तथा 10865 रिफिल सिलेण्डर प्रदान किए जा चुके हैं। कसौली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 3500 गैस कुनैक्शन तथा 2609 रिफिल सिलेण्डर निःशुल्क वितरित किए जा चुके हैं। डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर लोगों से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा केन्द्र की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर प्रदेश में हिमकेयर योजना आरम्भ की गई है। उन्होंने कहा कि इन दोनों योजनाओं के तहत पात्र परिवारों के लिए 05 लाख रुपए के स्वास्थ्य बीमा का प्रावधान है। आयुष्मान भारत योजना के दायरे से बाहर रह गए परिवारों को प्रदेश में हिमकेयर योजना के अन्तर्गत लाया गया है। आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत गत 01 वर्ष में 46868 लाभार्थियों ने 46.16 करोड़ रुपए की निःशुल्क चिकित्सा का लाभ उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हिमकेयर योजना के तहत लगभग 5.25 लाख परिवार पंजीकृत हैं। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डेजी ठाकुर, भाजपा मण्डल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, सहकारी सभा के अध्यक्ष सुन्दरम ठाकुर, जिला परिषद सदस्य दर्पणा ठाकुर, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य राजकुमार सिंगला, जिला भाजपा उपाध्यक्ष दौलत ठाकुर, ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी की प्रधान कमलेश कुमारी, ग्राम पंचायत रौड़ी की प्रधान निर्मला देवी, ग्राम पंचायत सनावर के प्रधान दिनेश ठाकुर, ग्राम पंचायत टकसाल की प्रधान संतोष देवी, नगर परिषद परवाणू की पार्षद किरण चैहान, रणजीत सिंह, मनोनीत पार्षद राजकुमार एवं राम दयाल, ग्राम पंचायत सनावर गढ़खल के उप प्रधान विपिन गुप्ता, ग्राम पंचायत कोटी नाम्भ के उप प्रधान लक्ष्मी दत्त अत्री, ग्राम पंचायत टकसाल के उप प्रधान नीरज, पूर्व बीडीसी सदस्य किरण प्रकाश अत्री एवं करनैल ठाकुर, ग्राम पंचायत आंजी मातला के पूर्व प्रधान खुशी राम, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियन्त्रक नरेन्द्र धीमान, विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा लाभार्थी इस अवसर पर मौजूद रहे।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ते कथोग में एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी। मिली जानकारी के मुताबिक व्यक्ति ने अपने घर के बंद कमरे में जाकर पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान लेखराज (35) पुत्र सुखदेव निवासी दरेकलाहड़, डाकघर कथोग के रूप में हुई है। मृतक दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुँची ज्वालामुखी पुलिस ने उक्त स्थान का मुआयना किया और मृतक के शरीर को कब्जे में ले लिया। मृतक व्यक्ति की पत्नी व परिजनों के बयान भी कलमबद्ध किये जा रहे है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी तिलक राज ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल देहरा में भेज दिया गया है तथा पुलिस ने 174 सीआरपीसी के मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिकों की सब यूनिट दाड़लाघाट भराड़ीघाट की ओर से पूर्व सैनिकों व वीरांगनाओं के लिए एक अच्छी खबर आई है। पूर्व सैनिक लीग दाड़लाघाट भराड़ीघाट के अध्यक्ष हीरालाल ठाकुर ने कहा है कि दाड़लाघाट में पूर्व सैनिकों की सुविधा हेतु चलित कैंटीन ने कार्य करना आरम्भ कर दिया है। इस सीएसटी कैंटीन के यहां आने से इस क्षेत्र की लगभग 34 पंचायतों के 600 सैनिक परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस मास भी अंबुजा उद्योग के मुख्य गेट पर 29 सितंबर को चलित कैंटीन सजाई जाएगी। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों व वीरांगनाओं से आग्रह किया है कि वे उक्त तिथि को अबुजा गेट के सामने ट्रक ऑपरेटर ट्रांसपोर्ट सोसाइटी के प्रांगण में आकर प्राप्त सुविधाओं का लाभ उठाएं।
राजकीय महाविद्यालय अर्की में अमृत महोत्सव पर चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम में डीआईजी आइटीबीपी प्रेम सिंह कटोच ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यक्रम अधिकारी डॉ सरवन कुमार ने की। कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सप्ताह से चले आ रहे इस कार्यक्रम में 80 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान छात्रों द्वारा महाविद्यालय के परिसर की साफ सफाई कर पौधरोपण किया व क्यारियों को सँवारा गया। इस दौरान एनएसएस के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी ने मुख्यतिथि का कार्यक्रम में अपना समय देने के लिये धन्यवाद दिया व पूरे सप्ताह तक की गई गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्यतिथि डीआइजी प्रेम सिंह कटोच ने कहा कि आजकल के युवाओं को ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों की मदद को अपने अंदर उपजाइएं। चाहे किसी भी तौर पर हो। इससे अच्छी सोच अपने अंदर आती है। उन्होंने कहा कि जब हम बॉर्डर पर बैठते है उस समय बहुत गर्व महसूस होता है। उन्होंने कार्यक्रम अधिकारी को इस प्रकार आमंत्रित करने के लिये धन्यवाद किया।
प्रदेश में वीरवार बारिश ने कहर मचाया है। बारिश के चलते कालका-शिमला फोरलेन पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है, हालांकि इस दौरान यातायात प्रभावित नहीं हुआ है। फोरलेन कंपनी की मशीनें सड़क पर आए मलबे और पत्थरों को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए बहाल करने में लगी है। धान की फसल पक कर तैयार हो गई है और लगातार हो रही बारिश से पालमुपर में किसान चिंतित हैं। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में चार दिनों से बारिश का दौर जारी है। बुधवार रात से जिले भर में बारिश हो रही है। जबकि बारालाचा, रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है। बारिश व पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद मौसम काफी ठंडा हो गया है। गुरुवार सुबह से हो रही बारिश के चलते सेब व अनार का तुड़ान प्रभावित हुआ है। वहीं कई संपर्क मार्ग दलदल में तबदील हो गए हैं। इसके साथ ही घास कटाई भी खराब मौसम के चलते बंद हो गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने के बाद लाहौल-स्पीति पुलिस ने मनाली-लेह मार्ग पर जरूरी सामान ले जाने वाहन चालकों को सावधानी बरतने के लिए कहा है। ब्यास व सहायक नदियों में बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए पर्यटकों व लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। किन्नौर जिले की ऊंची पहाड़ियों पर ताजा हिमपात हुआ है। वहीं जिले के निचले क्षेत्रों, आउटर सिराज और ऊपरी शिमला में बारिश का दौर जारी है। 26 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में निरंतर हो रही भारी बारिश खूब कहर ढा रही है। उपमंडल ठियोग में डंगे गिरने और मिट्टी खिसकने से काफी नुक्सान हुआ है। भारी बारिश के कारण ठियोग-क्यारटू में सड़क का एक बड़ा हिस्सा ढहने से यातायात की आवाजाही बंद हो गई है। नेशनल हाईवे-5 की सड़क का सारा पानी ढलान के कारण इसी सड़क से होकर जाता था, जिसके चलते सड़क के किनारे लगा डंगा गिर गया और सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क बंद हो गई है, जिसके कारण यहां के स्थानीय लोगो को अधिक आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। साथ ही इस सड़क के बाधित होने से कई पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इन पंचायतों में कई बागवान सेब का तुड़ान कर रहे हैं। सेब को मंडी तक भेजने के लिए जरुरी सेब की पैकिंग सामग्री इसी सड़क मार्ग से होकर ले जाई जाती है, लेकिन सड़क के बाधित होने के कारण यह समस्या बढ़ने वाली है। जगह के निवासियों ने विभाग से जल्द ही डंगा लगाकर सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है।
वीरवार को राजीव गांधी स्मारक महाविद्यालय में रोवर और रेंजर इकाई द्वारा वन्य प्राणी एवम् जल सुरक्षा पर चित्रकला एवम् नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता सिंह, रोवर लीडर डॉ विशाल कुमार, रेंजर लीडर पूनम कुमारी, प्रो ओम प्रकाश कपूर, राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ पवन कुमार और निर्णायक की भूमिका में डॉ माधवी जोशी उपस्थित रहे। नारा लेखन प्रतियोगिता में बी ए प्रथम वर्ष की छात्रा सलोनी, द्वितीय और तृतीय स्थान पर क्रमशः बी ए तृतीय वर्ष की प्रियांशु और पर प्रियंका ठाकुर रही। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर इंदु, द्वितीय स्थान पर कनिका और तृतीय स्थान पर स्वाति और सलोनी रही।
बिलासपुर: भारी बारिश ने वीरवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दौरा रद्द कर दिया। मुख्यमंत्री का दौरा रद्द होने की सूचना मिलने पर कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों के चेहरे पर मायूसी छा गई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंदरौर से करीब 287 करोड़ रूपये के विकास कार्यों को हरी झंडी दिखाने व विकास कार्यों का उदघाटन करने के लिए बिलासपुर पहुंच रहे थे। जिला लोक संपर्क अधिकारी ने सूचना दी कि मुख्यमंत्री का दौरा आगामी दिनों के लिए स्थागित कर दिया गया है। गौरतलब है कि सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए यह दौरा बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा था और इसके चलते सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर बस्सी से भी बटालियन बुला ली गई थी साथ ही डेढ सौ से अधिक सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे। मुख्यमंत्री ने महर्षि मार्कंडेय में पर्यटन हॉल का भी उद्घाटन करने वाले थे। मुख्यमंत्री का दौरे को लेकर आने वाले दिनों में एक बार फिर से तिथि घोषित की जाएगी। वहीं विधायक सुभाष ठाकुर का कहना है कि मौसम की खराबी के कारण इसे रद्द किया गया है। शीघ्र ही नया शैड्यूल तैयार कर दिया जाएगा।
राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर टिहरा में हफ्ते भर तक चलने वाले सामाजिक चेतना अभियान के अंतर्गत वीरवार को वन्य प्राणी एवं जल सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य पर एक नारा लेखन प्रतियोगिता व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वनस्पति और जीव विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ विजय कुमार और डॉ सुनीता सकलानी के नेतृत्व में महाविद्यालय के 25 प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। जिनमें से नारा लेखन में शिवानी प्रथम, शबनम ठाकुर द्वितीय और प्रिया व प्रमिला तृतीय स्थान पर रही। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कार्तिक प्रथम, अबंतिका द्वितीय और ईशा सोनी तृतीय स्थान पर रही। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अजायब बनयाल ने सभी प्रतिभागियों और पुरस्कार विजेताओं को इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। साथ ही उनके द्वारा बनाए गए पोस्टरों और नारा लेखन की सराहना भी की। इस अवसर पर महाविद्यालय की उप प्राचार्य डॉ विभा ठाकुर, डॉ शशि शर्मा सहित प्रोo वंदना उपस्थित रहीं।
चम्बा: हिमाचल के पांगी क्षेत्र में ताज़ा हिमपात हुआ जिसके कारण जिले में आवाजाही ठप हो गई है। बुधवार शाम को मौसम खराब होने से तापमान में काफी गिरावट आई। बारिश को बिजाई के लिए किसान लाभदायक मान रहे हैं। वहीं दूसरी ओर ज़्यादा बर्फ़बारी होती है तो लगी हुई बागवानों की फसलों की नुक्सान हो सकता है। पांगी में बगीचों में सेब की फसल पककर तैयार हो गई है। सेब के साथ मक्की, आलू, भंगड़ी और फूलण की फसल भी किसानों द्वारा खेतों से निकाली जानी है। सितंबर माह में होने वाली बर्फबारी के कारण कई बार किसानों बागवानों को नुकसान उठाना पड़ा है।आशंका लगाई जा रही है कि पांगी में किसी भी समय बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान पांगी उपमंडल का जिला व प्रदेश से पूरी तरह से संपर्क कट जाएगा। अप्रैल माह में तापमान में बदलाव होने व बर्फ पिघलने पर साच पास से आवाजाही सुचारू हो पाती है। गौरतलब है कि इन दिनों पांगी के लोग आगामी छह माह के लिए राशन व ईंधन इत्यादि जुटाने में जुट गए हैं।
राजकीय महाविद्यालय ज्वालाजी की वूमेन गृवेंसेज़ रिड्रेसल सैल सदस्य प्रोफ़ेसर आरती गुप्ता द्वारा सेल्फ फाइनेंस के विद्यार्थियों को आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत अवेयरनेस लेक्चर दिया । इस लेक्चर का आयोजन डॉ सीमा शर्मा एवं प्रोफ़ेसर नीलम शर्मा के द्वारा किया गया । इस अवेयरनेस लेक्चर का मुख्य उद्देश्य नये विद्यार्थियों को महिला अधिकारों एवं सुरक्षा के विषय में जागृत करना था। इस लेक्चर के माध्यम से विद्यार्थियों को स्त्री सुरक्षा संबंधी एप्स के बारे में बताया गया तथा साथ ही लड़कियों को मोबाइल के सदुपयोग, आत्मसम्मान की रक्षा एवं अपनी सुरक्षा की विषय में भी बताया गया। इस अवसर पर लगभग 70 विद्यार्थी एवं प्राध्यापक भी उपस्थित रहे।
प्रदेश में सत्तासीन जयराम सरकार द्वारा हाल ही में 24 अगस्त को सम्पन्न हुई कैबिनेट बैठक के दौरान सीएचसी रक्कड़ में 24×7 आपातकालीन सुविधाएं प्रदान करने पर शुक्रवार को रक्कड़ में मुख्यमंत्री व उद्योग एवं परिवहन मंत्री का आभार व्यक्त करने के लिए एक समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें तहसील रक्कड़ की विभिन्न पंचायतों के लोग शामिल होंगे। यह जानकारी देते हुए जसवां-परागपुर भाजपा मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा ने बताया कि इस दौरान क्षेत्र के लोगों की सुविधा हेतु उनकी लंबे अरसे से लंबित मांग पर उद्योग मंत्री द्वारा दो सरकारी बसों का शुभारंभ करेंगे तथा इससे क्षेत्र की लगभग 25 पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे। इन बस सुविधाओं में एक बस पठानकोट से दियोटसिद्ध वाया चपलाह, भरोली-जदीद, शांतला, बंगाणा होते हुए दियोटसिद्ध के लिए रवाना होंगी तथा दूसरी बस सेवा की शुरुआत रक्कड़ से धर्मशाला रुट पर शुरू की जाएगी। गौरतलब है कि तहसील रक्कड़ के लोगों को जिला मुख्यालय धर्मशाला में अपने जरूरी कार्यों को निपटाने हेतु पहुंचने में खासी मशक्कत का सामना करना पड़ता था तथा अब इस रूट पर सरकारी बस मुहैया होने से उन्हें सुविधा मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के राज्य प्रवक्ता डॉ जय कुमार आजाद ने प्रतिभा सिंह को मण्डी लोकसभा उपचुनाव के लिए एक दमदार प्रत्याशी बताते हुए कहा कि उनके उपचुनाव लड़ने से कांग्रेस पार्टी मण्डी लोकसभा सीट पर विजय पताका फहराएगी। वहीं पर अन्य तीन विधानसभा उपचुनाव की सीटों को भी आसानी से हासिल करेगी। वीरवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ आजाद ने कहा कि भाजपा व जयराम सरकार द्वारा प्रदेश में उपचुनावों को टालना उनकी संभावित हार को दर्शाता है और जब भी प्रदेश में यह उपचुनाव होंगे, कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ इन चुनावों को लड़ेगी और 2022 में जयराम सरकार की विदाई की पक्की नींव रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से आज समाज का हर वर्ग दु:खी है। महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। कानून-व्यवस्था तहस-नहस हो चुकी है और करोड़ों के कर्ज तले प्रदेश को लाया जा रहा है। सरकार की ना नीति साफ है और ना ही नीयत। मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर की सैर करने में मस्त हैं, विकास नगण्य है, किसान व बागवान निराश हैं और सरकार के मंत्री अधिकारियों,कर्मचारियों व आम लोगों को आये दिन धमका रहे हैं। प्रदेश में सरकार की शासन व प्रशासन पर कोई पकड़ नहीं है। ऐसे में प्रदेश की जनता जयराम की सरकार को जल्दी चलता करने को बेताब है।
सरकाघाट के अंतर्गत बलद्वाडा में बुधवार का दिन सेवा सप्ताह के अंतर्गत संवाद दिवस के रूप में मनाया गया। जिसके अंतर्गत बुजुर्गों का मोबाइल के माध्यम से हालचाल जाना गया। तहसील कल्याण अधिकारी बलद्वाडा लक्ष्मण दास ने बताया कि इस दिवस का मुख्य लक्ष्य बुजुर्गों के साथ विचार सांझा करना तथा उनका हाल-चाल पूछ कर उनका मनोबल बढ़ाना और भावी पीढ़ी को प्रेम पूर्वक तथा नशे से दूर रहकर जीवन यापन का संदेश बुजुर्गों के माध्यम से देना था। इस मौके पर हरजिंदर सिंह तहसील कल्याण विभाग सरकाघाट भी मौजूद रहे।
पुलिस थाना खुंडिया के अंतर्गत शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने थाना में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है। महिला ने बताया कि स्थानीय निवासी व रिश्ते में लगते जेठ ने देर रात उसके घर मे घुसकर जबरदस्ती करते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला पुलिस थाना खुंडिया के अंतर्गत त० खुंडिया की निवासी बताई जा रही है। वंही उक्त महिला के बयान पर व्यक्ति के खिलाफ मामला थाना में दर्ज किया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कि टीम मौके पर भेजी गई है। महिला के बयान पर आरोपी के खिलाफ 452,376 आइपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। महिला का मेडिकल करवाया जा रहा है।
लडभडोल: लडभडोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत खददर के तहत पड़ने वाली सलाहण-धार संपर्क सड़क के खस्ताहाल होने से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। सड़क की हालत खराब होने के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि बीमार हो जाने पर लोगों को चारपाई पर उठाकर मेन सड़क तक लाना पड़ रहा हैं। वहीं ताज़ा घटनाक्रम की बात की जाए तो गुरुवार सुबह तड़के गांव धार में भीमसेन 65 वर्षीय बुजुर्ग बीमार हो गए। गांव में किसी भी वाहन की आवाजाही है न होने के कारण उन्हें चारपाई पर उठाकर मेन सड़क तक लाया गया। जिसके लिए परिजनों सहित कई लोगों को इकट्ठा करना पड़ा और क्षेत्र में हो रही बारिश के बीच ही चारपाई के माध्यम से लोगों द्वारा मरीज़ को मेन सड़क तक पहुंचाया गया। स्थानीय निवासी भूरी सिंह, चांद धीमान, नारायण सिंह, बालम राम, देशराज, अनिल, चमन, सुनील, मिंटू, दान सिंह आदि ने कहा कि यह सड़क करीब 10 साल पहले बनी थी। उन्होंने विभाग के प्रति आरोप लगाते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग पूरी तरह लापरवाह नज़र आ रहा है। सड़क में जगह-जगह मिट्टी, पत्थर और गड्ढे पड़े हुए हैं, जिस कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप है। इस सड़क पर पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। गांव वासियों ने बताया कि जब बरसात का मौसम शुरू होता है तो यह सड़क पूरी तरह बंद हो जाती है। गांव वासियों ने प्रदेश सरकार सहित स्थानीय विधायक प्रकाश राणा से इस सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है।
यूको आरसेटी सोलन द्वारा आयोजित 30 दिवसीय निःशुल्क "महिला टेलर" प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफल समापन हुआ l इस 30 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 25 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। जिसमें यूको आरसेटी द्वारा उन्हें सिलाई व व्यक्तित्व विकास के अलग-अलग आयामों के लिए प्रशिक्षित किया गया व स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गयाl इस कार्यक्रम की ट्रेनर गुरप्यारी रही l समापन दिवस में असेसर गुरमीत कौर, यूको आरसेटी निदेशक रोहित कश्यप व गोपाल बंसल मौजूद रहे l आरसेटी निदेशक रोहित कश्यप ने बताया कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले इस तरह के विभिन्न कार्यक्रम यूको आरसेटी द्वारा जिला सोलन के निवासियों के लिए चलाये जा रहे हैl आज से आरसेटी सोलन संस्थान में 30 दिवसीय " ब्यूटी पार्लर" का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है व 5 अक्टूबर के बाद मशरुम उत्पादन, जूट बैग बनाना, अचार पापड़ बनाने के कार्यक्रम भी शुरू किये जाएंगे। जिसके लिए 18-45 वर्ष के इच्छुक प्रतिभागी दोहरी दीवार सुबाथु रोड पर स्थित यूको आरसेटी कार्यालय में आकर आवेदन कर सकते है, अथवा फ़ोन नंबर 01792-227936 पर भी संपर्क कर सकते हैं l
हिमाचल प्रदेश: भाजपा युवा मोर्चा सुजानपुर मंडल अध्यक्ष कपिल मोहन शामा तथा मीडिया प्रभारी हिमांशु शर्मा ने अनुराग ठाकुर का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि जब से अनुराग ठाकुर ने केंद्र में कमान संभाली है, लगातार सुजानपुर का और हिमाचल का विकास करने में वह पीछे नहीं रहे हैं। हर जगह खेलों को बढ़ावा दे रहे है और अलग-अलग तरह के विकास कार्य करने में लगे हैं। हर समय एक युवा सोच के साथ और युवाओं को साथ में लेकर चलने की सोच सिर्फ और सिर्फ अनुराग ठाकुर में ही है। इसी के चलते बुधवार को भी सुजानपुर टिहरा के महल से एक बार फिर से पैराग्लाइडिंग की शुरुआत की गई है। पूरे हिमाचल में पैराग्लाइडिंग साइट के निरीक्षण किए जा रहे हैं। इससे आने वाले वक्त में रोज़गार को बढ़ावा मिलेगा ।
सोलन: गुरूवार प्रातः करीब 07:30 बजे कालका से शिमला जा रही रेलगाड़ी बड़ोग टर्नल से करीब 50 मीटर पहले कुमारहट्टी की तरफ डिरेल हो गई है। रेलगाड़ी के अगले दो पहिए ट्रैक से उतर गए हैं। गनीमत यह रही कि रेलगाड़ी पलटी नहीं है। वंही इस हादसे में सभी यात्रि सुरक्षित है किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार रेलकार यात्रियों को लेकर सुबह करीब पांच बजे कालका से शिमला की ओर चली थी। यह कुमारहट्टी से 6:55 बजे बड़ोग के लिए निकली थी। जैसे ही यह रेलकार 07:05 बजे 33 नंबर बड़ोग टनल के समीप पहुंची तो डिरेल हो गई। चालक ने इसकी सूचना कुमारहट्टी व बड़ोग रेलवे स्टेशन को दी। सूचना के बाद तुरंत रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे और रेलवे किट राहत ट्रेन को कालका से बुलाया गया। वहीं कर्मियों द्वारा रेलकार को पटरी पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद शिमला की ओर जाने वाली सभी ट्रेनों की आवाजाही पर रोक लग गई है, जबकि एक ट्रेन को धर्मपुर रेलवे स्टेशन पर रोका गया है।
हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा यानि एचएएस की परीक्षा 26 सितंबर को पहली बार नेटवर्क जैमर के साये में होगी। राज्य लोक सेवा आयोग ने परीक्षा के दौरान नकल की संभावनाओं को पूरी तरह से विराम लगाने के चलते यह फैसला लिया है। अभी तक यूपीएससी की परीक्षाओं में ही नेटवर्क जैमर लगाए जाते हैं। बुधवार को लोक सेवा आयोग में हुई अधिकारियों की बैठक में एचएएस की परीक्षा में भाग लेने वाले बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट या वैक्सीन सर्टिफिकेट दिखाने के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश देने का फैसला लिया गया। हिमाचल के अभ्यर्थियों पर यह शर्त लागू नहीं होंगी। 26 सितंबर को प्रदेश के 133 केंद्रों में सुबह और शाम के सत्र में एचएएस की परीक्षा होगी। प्रशासनिक सेवा के 18 पदों के लिए 30,625 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा में शामिल होने के लिए सभी अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और पहचान पत्र भी लाना अनिवार्य किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार कोरोना संक्रमण के कारण माता-पिता गंवाने वाले बच्चों से निजी स्कूलों में अब फीस नहीं ली जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने बुधवार को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और प्रिंसिपलों को लिखित निर्देश जारी कर दिये है। मार्च 2020 के बाद से अभी तक प्रदेश में निजी स्कूलों में पढ़ने वाले चार बच्चों ने माता-पिता दोनों और 280 बच्चों के एक अभिभावक की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। अगस्त में आए सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को तुरंत प्रभाव से लागू करने के लिए जिला अधिकारियों को पत्र जारी कर दिए हैं। दो-तीन दिन के भीतर इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करवाते हुए, निदेशालय को रिपोर्ट देने को भी कहा गया है। महिला एवं बाल विकास निदेशालय की ओर से शिक्षा विभाग को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों से बीते दिनों अवगत करवाया गया है। महिला एवं बाल विकास निदेशालय की ओर से बताया गया है कि मार्च 2020 के बाद कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश में 22 ऐसे विद्यार्थी चिन्हित किए गए हैं, जिनके माता-पिता दोनों की मौत हुई है। इन 22 विद्यार्थियों में से चार विद्यार्थी निजी स्कूलों में पढ़ते हैं। 736 विद्यार्थी ऐसे भी चिंहित किए गए हैं, जिनके एक अभिभावक की कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से मौत हुई है। इनमें से 280 विद्यार्थी निजी स्कूलों में पढ़ते हैं। ऐसे विद्यार्थियों की इस शैक्षणिक सत्र की फीस को माफ करने को लेकर कोर्ट की ओर से आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा कितने विद्यार्थियों ने पढ़ाई बीच में छोड़ दी है। इन्हें दोबारा स्कूलों में लाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। इसकी जानकारी भी 25 सितंबर तक महिला एवं बाल विकास निदेशालय ने तलब की है। इस जानकारी को सुप्रीम कोर्ट से अवगत करवाया जाना है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से राहत की उम्मीद जताई जा रही है।
होशियारपुर गगरेट मार्ग पर पुलिस चेक पोस्ट के पास कल रात करीब 10:30 बजे एक अज्ञात वाहन ने तीन पुलिस कर्मियों को कुचल दिया, तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा हे कि तीनों पुलिस कर्मचारी रात को अपनी ड्यूटी देने के लिए पुलिस चेक पोस्ट आशा देवी गग्रेट आ रहे थे। तभी होशियापुर की तरफ से आते हुए एक अज्ञात वाहन ने तीनों पुलिस कर्मियों को कुचल दिया, जिससे उन तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में थे। लेकिन उनके आई कार्ड से पहचान हो पाई। पुलिस ने ट्रक को संदेह के आधार पर नादौन से पकड़ लिया है, और मामला दर्ज करके ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच बुधवार को कुल्लू की रघुपुर घाटी में बादल फटने से सड़कों और फसलों को भारी नुकसान हुआ है। जिले के तीन गांवों के पैदल रास्ते टूट गए हैं। बादल फटने से क्षेत्र में मटर की फसल तबाह हो गई है। रास्ते टूटने से फनौटी पंचायत में 1000 सेब की पेटियां फंस गई हैं। वंही जिला में बुधवार को तीसरे दिन भी बारिश के साथ पहाड़ों में बर्फ के फाहे गिरे। बता दें कि प्रदेश भर में 22 सड़कों पर यातायात बंद रहा। 11 सड़कें सिरमौर, 5 मंडी, 3 कुल्लू, 2 शिमला और एक बिलासपुर जिले में बंद रही। प्रदेश में बुधवार को 41 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। इनमें 27 सिरमौर और 14 कुल्लू जिला में हैं। इसके अलावा बीस मकान और 10 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। राजधानी शिमला सहित कई जिलों में बुधवार को बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में बारिश भी हुई। हिमाचल में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 26 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गुरुवार को शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान धुंध छाए रहने और भूस्खलन के आसार हैं। लोगों से नदी और नालों से दूर रहने की अपील की गई है।
थाना देहरा की पुलिस चौकी डाडा सीबा के तहत ग्राम पंचायत अपर वलभाल मे किराने की दुकान की आड़ मे लालपरी का कारोबार करने वाले आरोपी से मंगलवार देर रात डाडासीबा पुलिस चौकी प्रभारी किशोर चंद ने 12 बोतल देसी शराब के साथ पकडा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात डाडा सीबा पुलिस टीम गश्त पर थी तो पुलिस ने शक के आधार पर दुकान की तलाशी ली तो उसके पास 12 बोतल देसी शराब बरामद हुई व पूछताछ के दौरान व्यक्ति कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जिसके उपरांत डाडासीबा पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं डाडा सीबा चौकी प्रभारी किशोर चंद ने कहा कि नशा बेचने वालों पर पुलिस की कारवाही आगे भी जारी रहेगी।
बीङ-बिलिंग के विख्यात अस्तित्व कैम्प्स ऐंड रिज़ोर्ट्स में 22 सितंबर को आर्ट-इको 2021, कला परियोजना सम्पन्न हुई। यह अंतर्राष्ट्रीय परियोजना श्रेयांसि इंटरनेशनल कला और संस्कृति संगठन (भारत) और सेंट पीटर्सबर्ग सेंटर फॉर ह्यूमैनिटेरियन प्रोग्राम (रूस) का संयुक्त प्रयास है। इसका उद्देश्य भारत की प्राकृतिक सुंदरता, विरासत, संस्कृति और स्थानीय कलाओं को बढ़ावा देना है। यह कला और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से पर्यावरण और पारिस्थितिक पहलुओं के बारे में जागरूकता लाने का प्रयास है। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, बिहार, पंजाब, कर्नाटक से आए कलाकारों ने सुंदर स्थानीय परिदृश्यों के साथ दिलचस्प स्थानों की पेंटिंग और फोटोग्राफी की। स्थानीय कलाकारों ने भी इसमें भाग लिया और अपनी कला का प्रदर्शन किया। अस्तित्व शिविर और रिज़ॉर्ट के मालिक गौरव भाटिया ने बताया कि कलाकारों के लिए स्थानीय दर्शनीय स्थलों की यात्रा, पैराग्लाइडिंग, स्थानीय दर्शनीय स्थल और जंगल की सैर, चाय बागान की यात्रा और चाय चखने के सत्र और स्थानीय हिमाचल वाइन परीक्षण सत्र आयोजित किए गए। कोविड की स्थिति को ध्यान में रखते हुए हमने प्रत्येक स्थान पर एक बार में बाहरी प्रतिभागियों की संख्या कम कर दी है। आर्ट कैम्प में अंकुर राणा, समीर, श्रेयांसि, विपिन परमार, श्रद्धा, गीतांजली, योगेश प्रसाद गोयल, विश्रुति दवे सिद्धार्थ नायर, संगीतकार शैल और सलिल के अलावा टैटू आर्टिस्ट श्वेता ठाकुर ने भाग लिया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अनुमोदित अनुष्का कला मंच नगवाईं द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से चलाए जा रहे अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत सरकार की योजनाओं का नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रचार प्रसार किया गया। इस दौरान अनुवर्ती कार्यक्रम, अंतरजातीय विवाह योजनाए, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजनाए, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजनाए, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाए, बेटी है अनमोल योजना तथा विभिन्न आवासीय और सरकार की अन्य जन कल्याणकारी योजनाओ की विस्तार से जानकारी प्रदान कर जागरूक किया। कलाकारों ने लोगों को कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखना व मास्क का प्रयोग करना तथा सरकार द्वारा समय.समय पर कोरोना से बचाव को लेकर जारी मानक संचालन प्रक्रिया की अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा ताकि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। मंच के संचालक ने बताया कि कोई अनुसूचित जाति एव जनजाति के व्यक्ति को जाति के आधार पर प्रताड़ित होने पर एक लाख रुपए से ₹825000 तक अत्याचार के प्रकार अनुसार आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। मंच के अन्य कलाकार जीवन, वीना ठाकुर, डिंपल, ओम प्रकाश, वरुण, रमेश कुमार तथा दीपक ने भी एक से बढ़कर एक नाटियां प्रस्तुत कर लोगों का जहां भरपूर मनोरंजन किया वहीं उन्हें उपरोक्त योजनाएं के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा इन योजनाओं का लाभ उठाने का लोगों से आह्वान किया । इस अवसर पर शरण ग्राम पंचायत के रेला वार्ड की पंच इंदिरा देवी व मनहम ग्राम पंचायत के देहुरी वार्ड के सदस्य हीरा सिंह भी उपस्थित रहे।
शिक्षा, कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बुधवार को मनाली के समीप बुरूआ गांव का दौरा किया जहां बीते रोज बादल फटने के कारण भीष्ण बाढ़ आने से गांव में अनेक घरों को क्षति पहुंची है। बाढ़ आने के तुरंत बाद उन्होंने जिला प्रशासन को राहत व बचाव कार्य के निर्देश दिए। प्रशासन ने फायर ब्रिगेड व जे.सी.बी. को तुंरत गांव में पहुंचाकर राहत कार्यो को अंजाम दिया। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को सहायता भी प्रदान की गई। गोविंद ठाकुर ने प्रभावित परिवार को रजाईयां, कंबल और अन्य आवश्यक वस्तुएं मौके पर वितरित की। उन्होंने प्रशासन को कहा कि गांव में बाढ़ के कारण आया मलबा जल्द हटाया जाए और पूर्व की तरह की स्थिति को बहाल किया जाए। गोविंद ठाकुर सभी प्रभावित परिवारों से मिले और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा बिना किसी अंदेशे के घटित हो जाती है और अचानक से बड़ा नुकसान हो जाता है। आपदा के ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर नुकसान को कम करने के प्रयास करने चाहिए और आस-पास के लोगों को तुंरत से सहायता के लिए पहुंचना चाहिए। रजनी ठाकुर, धनेश्वरी ठाकुर, अखिलेष कपूर सहित अनेक लोग मंत्री के साथ उपस्थित रहे।
शिक्षा, कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बुधवार को मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पांच करोड़ की लागत से नाबार्ड के तहत निर्मित होने वाली लगभग चार किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया। इस सड़क के लिये क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग थी और आज पूरी होने पर क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर दिखी और लोगों ने मंत्री का आभार जताया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र को वह प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र के तौर पर विकसित करने के लिए दिन-रात प्रयास कर रहे हैं और लोरन-सरली विधानसभा क्षेत्र का आखरी गांव हैं जिन्हें अगले एक साल के भीतर सड़क सुविधा प्रदान कर दी जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़क का निर्माण कार्य एक साल के भीतर करने के निर्देश दिए और साथ ही कहा कि कार्य गुणात्मक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बस्तोरी से नथान सड़क का निर्माण कार्य 220.30 लाख की लागत से किया जाएगा और कार्य ठेकेदार को अवार्ड कर दिया गया है। इसी प्रकार, रामशिला-भेखली, जिंदौड़-ब्यासर सड़क का सुधारीकरण और पक्का करने का कार्य युद्ध स्तर पर चला है जिसे अगले दो-तीन महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। इस कार्य पर लगभग 17 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि पानी री टंकी से दुर्गा नग्गर सड़क का कार्य 56 लाख रुपये की लागत से प्रगति पर है। इसी प्रकार भेखली स्कूल के अतिरिक्त भवन पर 77 लाख खर्च किये गए और जनता को समर्पित किया गया है। गोविंद ठाकुर ने कहा कि भेखली-सारी सड़क को पक्का किया गया है। नथान से बस्तोरी सड़क को पक्का करने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इस कार्य के लिए 1.60 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि सरली गांव में स्कूल खोला जाएगा ताकि बच्चों को दूर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों में सभी लोगों को सहयोग करना चाहिए तभी कार्य पूरे किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण लगभग दो साल का समय बर्बाद हो गया, लेकिन हमें पीछे मुड़कर नहीं देखना है और विकास को दोगुणी गति के साथ आगे बढ़ाना है। जिला परिषद सदस्या दीपिका, पूर्व जिला परिषद सदस्य व महिला आयोग की सदस्या मंजरी नेगी व पूर्व जिप सदस्य दिनेश सेन ने भी अपने विचार रखें और क्षेत्र के विकास की चर्चा की। क्षेत्र के विकास के लिए सभी ने गोविंद ठाकुर का आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व, स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान नारायण दत्त ने स्वागत किया और अपनी पंचायत के लिए विभिन्न मांगे प्रस्तुत की। गोविंद ठाकुर की धर्मपत्नी रजनी ठाकुर, भाजपा नेत्री धनेश्वरी ठाकुर, जिला महामंत्री अखिलेश कपूर व लेस राम, एससी मोर्चा अध्यक्ष शिव चंद, पंचायत समिति सदस्य ओंम चंद, युवा मोर्चा अध्यक्ष जनेश सहित विभिन्न पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी व आम लोग समारोह में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को जिला शिमला के अति दुर्गम क्षेत्र क्वार पहुंचे। यहां उन्होंने करोड़ों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। जनता की मांगों पर मुख्यमंत्री ने कुछ घोषणाएं भी की। इन सौगातों से इतर यहां एक और बात भी चर्चा में रही। मुख्यमंत्री अपने साथ इस सुदूर क्षेत्र के लिए कोविड वैक्सीन की खेप भी ले गए थे। डोडरा क्वार में भी प्रदेश के बाकी हिस्सों की तरह सभी पात्रों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज देने का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है और अब दूसरी डोज देने का अभियान तेजी से जारी है। ऐसे में, संपूर्ण वैक्सीनेशन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिए गए 30 नवंबर के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में मुख्यमंत्री की इस पहल को अहम कदम माना जा रहा है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां काफी विषम हैं। यहां बड़ा भंगाल और पांगी जैसी जगहें हैं, जो बर्फबारी के कारण दुनिया से कट जाती हैं। इसी तरह शिमला जिला का डोडरा क्वार भी अति दुर्गम क्षेत्र है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने साथ शिमला से कोविड वैक्सीन की 2500 डोज लेकर क्वार पहुंचे। ऐसा करने के पीछे इरादा यह था कि सुदूर क्षेत्र के लोगों के लिए कम समय पर सुरक्षित ढंग से वैक्सीन पहुंचाई जा सके। हिमाचल अपनी पात्र आबादी के सभी व्यस्कों को कोविड-19 की पहली डोज देने में देशभर में अव्वल रहा है। इस उपलब्धि के लिए हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की जनता के साथ 'वैक्सीन संवाद' किया था। इस दौरान उन्होंने डोडरा क्वार के दुर्गम क्षेत्र में सेवाएं दे रहे डॉक्टर के साथ भी बातचीत की थी, जिन्होंने वैक्सीनेशन अभियान में पहली डोज के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाई थी। कोविड वैक्सीनेशन अभियान में जब बड़ा भंगाल जैसे अति दुर्गम क्षेत्र के लोग छूट रहे थे तो हिमाचल सरकार के हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया था। हेलीकॉप्टर के माध्यम से ही डीसी कांगड़ा, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ को बड़ा भंगाल भेजा गया था। ऐसे में सरकार का हेलीकॉप्टर भी जनता के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। लाहौल स्पीति में रेस्क्यू ऑपरेशन में भी इसे इस्तेमाल किया गया था।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी आदेशों का अनुसरण करते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जिला अतिरिक्त दण्डाधिकारी सिरमौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने आदेश जारी करते हुए बताया कि आवासीय विद्यालयों को छोड़कर जिला के समस्त विद्यालय 25 सितंबर 2021 तक बंद रहेंगे जबकि शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ सदस्य स्कूल आते रहेंगे। आदेशानुसार आवासीय विद्यालयों में शिक्षा विभाग द्वारा जारी एसओपी की सख्ती के साथ अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। कोविड-19 अनुरुप व्यवहार और अन्य मानकों का उल्लंघन करने पर दोषी के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 से 60, आईपीसी की धारा 188 और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू होंगे और आगामी आदेशों तक जारी रहेंगे।
टिहरा से सुजानपुर ग्राउंड के लिए उड़ान भरने के लिए बुधवार का दिन निर्धारित किया गया था लेकिन खराब मौसम के चलते ऐसे नहीं हो सका। अब वीरवार को यदि मौसम साफ रहा तो तकनीकी टीम फिर से पैराग्लाइडिंग करती नजर आएगी। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयासों से सुजानपुर में साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पैराग्लाइडिंग हेतु साइट का चयन किया गया है। इसके लिए पहले भी सफल ट्रायल हो चुका है तथा टिहरा से सुजानपुर ग्राउंड के लिए मानव द्वारा सफल उड़ान का परीक्षण किया गया था तथा साइट भी इसके लिए सही पाई गई थी। इस सप्ताह पैराग्लाइडिंग के लिए औपचारिकताएं पूरी करने के लिए एक विशेष टीम सुजानपुर पहुंची थी जिन्होंने सोमवार को फिर से ट्रायल करना था लेकिन सोमवार और मंगलवार को मौसम खराब होने के चलते ऐसा नहीं हो सका। बुधवार को सुबह मौसम कुछ देर के लिए साफ हुआ लेकिन हवा का रुख ठीक ना होने के चलते मानव परिंदे उड़ान नहीं भर सकें। टिहरा से उन्होंने उड़ान भरने की कोशिश तो की लेकिन सफलता हाथ में नहीं आई। औपचारिकताएं पूरी करने के लिए आई टीम द्वारा उड़ान भरने की कई बार कोशिश की गई लेकिन हवा का रुख सही ना होने के चलते मानव परिंदे उड़ान ना भर पाए। अगर मौसम ठीक रहा तथा हवा भी ठीक रही तो वीरवार को फिर से टीम द्वारा ट्रायल किया जाएगा। गौरतलब है कि सुजानपुर में पर्यटन की दृष्टि से बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं जिससे सुजानपुर पर्यटन की दृष्टि से विकसित हो सकेगा तथा रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकेंगे। एसडीएम शिल्पी बेकटा ने बताया की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए टीम आई हुई है।
सुजानपुर के सीमांत क्षेत्र पर सरकार द्वारा करोड़ों के खर्च से बनाई गई कॉउ सेन्क्च्यूरी के निर्माण गुणवत्ता का मामला अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दरबार जा पहुंचा है। सुजानपुर के विधायक ने स्थानीय नागरिकों के भारी दबाव के चलते इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को की है। राणा द्वारा जयराम ठाकुर को लिखे पत्र में कहा गया है कि करोड़ों की लागत से बनी सुजानपुर के खेरी में नवनिर्मित कॉउ सेन्क्च्यूरी की निर्माण गुणवत्ता पर क्षेत्र की जनता लगातार सवाल उठा रही है। इस मामले में स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधित्व मंडल भी राणा से मिला है। नागरिकों में रोष है कि यह कॉउ सेन्क्च्यूरी बनने से पहले ही गिरने की कगार पर आ चुकी है। कॉउ सेन्क्च्यूरी पर खर्चे गए करोड़ों के धन का लाभ उस मकसद के लिए नहीं हुआ है जिस मकसद के लिए सरकार ने यहां कॉउ सेन्क्च्यूरी के लिए करोड़ों का बजट खर्चा है। अफसोस जनक स्थिति यह है कि उदघाटन से पहले इस कॉउ सेन्क्च्यूरी की दीवारें गिर गई हैं जो कि यह बता रही हैं कि इस कॉउ सेन्क्च्यूरी के निर्माण में निर्धारित मानकों के तहत सामग्री की गुणवत्ता का प्रयोग नहीं किया गया है। राणा ने कहा कि खेरी क्षेत्र की जनता के साथ सुजानपुर की जनता के आक्रोश को देखते हुए मैं सरकार से आग्रह कर रहा हूं कि इस कॉउ सेन्क्च्यूरी की सामग्री गुणवत्ता की जांच की जाए। राणा ने कहा है कि इस मामले की जांच विजिलेंस से भी करवाई जाए ताकि इस घोटाले में शामिल दोषियों के खिलाफ सरकार कारवाई कर सके। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस भ्रष्टाचार का राग गाते-गाते इस कॉउ सेन्क्च्यूरी के निर्माण में भारी घोटाले का अंदेशा काफी पहले से था लेकिन अब इसकी दीवारें गिरने के साथ यकीन हो गया है कि यहां पर बड़े घोटाले को अंजाम दिया गया है।
छात्रों के लिए इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसरों को बढ़ाने के लिए, डॉ वाईएस परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने कृषि-बागवानी क्षेत्र में अग्रणी उद्यमियों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह सभी उद्यमी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं। विश्वविद्यालय ने खान मशरूम फार्म सह प्रशिक्षण केंद्र, ऊना, धौलाधार मशरूम, जवाली; और एग्री क्लिनिक डायग्नोस्टिक एंड सॉल्यूशन सेंटर, सोलन के साथ करार किया है। कुलपति डॉ. परविंदर कौशल ने आईसीएआर एनएएचईपी की संस्थागत विकास योजना के तहत आयोजित कौशल विकास कार्यशाला में विश्वविद्यालय की ओर से इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर क्रमशः खान मशरूम फार्म और धौलाधार मशरूम गांव के मालिक यूसुफ खान और सुनील दत्त उपस्थित रहे। एग्री क्लिनिक डायग्नोस्टिक एंड सॉल्यूशन सेंटर से डॉ. बृजेश कमल इस अवसर पर मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. कौशल ने सभी उद्यमियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छात्रों को उद्यमी बनने के लिए पूर्व छात्रों से सीखने का एक शानदार अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का यह मानना है कि सफल उद्यमियों और पूर्व छात्रों का समर्थन और प्रेरणा महत्वपूर्ण होती है इसलिए उद्यमियों को इस पहल के तहत जोड़ा गया है। कार्यशाला के तकनीकी सत्र में उद्यमियों ने छात्रों के साथ अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। डॉ. बृजेश कमल ने कृषि क्लीनिक स्थापित करने की आवश्यकताओं के साथ-साथ विभिन्न सेवाओं के बारे में बात की। निदेशक अनुसंधान डॉ.रविंदर शर्मा, डॉ. दिवेंद्र गुप्ता, निदेशक विस्तार शिक्षा, डॉ. केके रैना पीआई आईडीपी, डॉ. हरीश शर्मा, ईएलपी के गतिविधि प्रभारी, डॉ.अजय शर्मा, कार्यशाला के संयोजक, डॉ. प्रेम प्रकाश सहित वैधानिक अधिकारी, वैज्ञानिक और स्नातक छात्र कार्यक्रम में शामिल हुए।
लोगों को आरोग्य प्रदान करने की दिशा में सार्थक सिद्ध हो रही आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना कल यानि 23 सितम्बर को अपने सफल कार्यान्वयन के 3 वर्ष पूर्ण कर लेगी। दुनिया की इस वृहद स्वास्थ्य योजना के सोलन जिला में भी सफल परिणाम सामने आए हैं। 23 सितम्बर को आरम्भ की गई आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत प्रति वर्ष पात्र परिवार के लिए 5 लाख रुपए के स्वास्थ्य बीमा का प्रावधान किया गया है। योजना के अन्तर्गत स्वास्थ्य बीमा राशि में सभी प्रकार की जांच, दवा, अस्पताल में भर्ती का खर्च इत्यादि सम्मिलत है। योजना के तहत लगभग 1800 उपचार प्रक्रियाएं शामिल की गई हैं। योजना का सबसे बड़ा लाभ यह है कि योजना के तहत पंजीकृत अस्पताल में दाखिल होने पर कैशलेस सेवा उपलब्ध है। इसमें डे केयर शल्य चिकित्सा भी शामिल है। हिमाचल प्रदेश में योजना के तहत 199 अस्पताल पंजीकृत हैं। इनमें 56 अस्पताल निजी क्षेत्र में हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने इस सम्बन्ध में अधिकारी जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि जिला में 25 हजार 554 परिवारों के कार्ड बनाए गए हैं। योजना के शुरू होने के उपरान्त जिला सोलन में 7262 लाभार्थी योजना से लाभ प्राप्त कर चुके हैं। इन लाभार्थियों पर 6 करोड़ 66 लाख 48 हजार 325 रुपए की राशि व्यय की गई है। जिला सोलन में योजना के तहत 09 सरकारी तथा 16 निजी अस्पताल सम्मिलत किए गए हैं। इन अस्पतालों में पात्र परिवारों को योजना अनुसार समुचित सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत और जिला मुख्यालय में भी आयुष्मान भारत योजना से जुड़े लाभार्थियों की सूची उपलब्ध है। खण्ड चिकित्त्सा अधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों तथा आशा कार्यकर्ताओं के पास भी योजना में सम्मिलत लोगों की सूची उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि टोल फ्री नम्बर 14555 पर योजना के सम्बन्ध में अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। आयुष्मान भारत योजना की लाभार्थी सोलन जिला के ग्राम काटल कठार, बोहली की निवासी 62 वर्षीय लीला देवी ने बताया कि वे मोतिया बिन्द बीमारी से जूझ रहीं थीं। आयुष्मान भारत योजना के कार्ड के साथ वे अपने उपचार के लिए महर्षि मार्कण्डेश्वर अस्पताल सुल्तानपुर पहुंची। यहां उनका सफल आॅप्रेशन किया गया और अब उनकी आंखे बिल्कुल ठीक हैं। उन्होंने अवगत करवाया कि बीमारी के दौरान उन्हें सुविधााएं निःशुल्क प्रदान की गई। उन्होंने इसके लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल 23 सितम्बर को सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। डाॅ.सैजल 23 सितम्बर को प्रातः 11.00 बजे विश्राम गृह धर्मपुर में हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के पात्र लाभार्थियों को रसोई गैस कनेक्शन वितरित करेंगे। वे तदोपरान्त दोपहर 1.00 बजे परवाणू में हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के पात्र लाभार्थियों को रसोई गैस कुनैक्शन वितरित करेंगे। आयुष मंत्री दिन में 2.30 बजे ग्राम पंचायत कोटबेजा में जनसमस्याएं सुनेंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में आज वरिष्ठ नागरिकों से संवाद आयोजित किया गया। यह जानकारी जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने दी। जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि इस अवसर पर जिला के विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ लोगों से दूरभाष पर सम्पर्क साधकर उनका कुशलक्षेम जाना गया। जिला कल्याण अधिकारी ने स्वयं कुम्हारट्टी की 86 वर्षीय लाजवंती, कोठों के 97 वर्षीय राम रतन, दावंसी की 97 वर्षीय शांति देवी तथा हरिपुर के 92 वर्षीय गीता राम से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि तहसील कल्याण अधिकारी कसौली द्वारा गोयला निवासी 87 वर्षीय प्यार सिंह, कसौली निवासी 74 वर्षीय निक्कु राम, पट्टा निवासी 63 वर्षीय सुलोचना कंवर से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की तकनीकी टीम इस अवसर पर सोलन के विभिन्न स्थानों पर वयोवृद्ध नागरिकों से रू-ब-रू हुई। वयोवृद्ध जन ने इस अवसर पर अपने अनुभव साझा किए। सोलन निवासी 90 वर्षीय बिमला शर्मा, 65 वर्षीय मधु तंवर, 68 वर्षीय रश्मि पांडे, कुनिहार विकास खण्ड की ग्राम पंचायत पारनू के सोलन में निवास कर रहे 80 वर्षीय एल.एन. शर्मा, रबौण निवासी 70 वर्षीय उर्मिल ठाकुर ने अपने विचार साझा किए। वरिष्ठ नागरिकों ने इस अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए समय में आए बदलाव पर सारगर्भित चर्चा की। सभी वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि वर्तमान समय में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। ऐसे में युवा पीढ़ी का यह कर्तव्य बनता है कि वे सत्त परिश्रम कर अपने परिवार तथा देश का नाम रोशन करें।
जिला कल्याण अधिकारी सुरेन्द्र बिम्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि सेवा सप्ताह का छठा दिन आज बुधवार को जिला स्तरीय संवाद दिवस के रूप में मनाया गया। जिसमें डे केयर सेंटर खलीणी में लगभग 104 वरिष्ठ नागरिकों व युवाओं ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सभी वरिष्ठ नागरिकों को शाॅल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी समस्याओं को भी जाना। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों द्वारा अपनी समस्याओं को रखते हुए संयुक्त परिवारों का चलन घटने से आज के समाज में बुजुर्गों के प्रति नकारात्मक व लापरवाही बढ़ रही है, जिसके लिए बुजुर्गों से संबंधित संस्थाओं का विस्तार करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों तथा युवाओं के बीच संवाद भी स्थापित किया गया तथा साथ मिलकर गीत गायन का भी आयोजन किया गया।
ग्राम पंचायत दावटी में अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन व पशुपालन विभाग द्वारा पशु पालन शिक्षा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा अधिकारी डा.देवराज शर्मा ने की। शिविर में अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन की ओर से अमृतधारा दुग्ध सोसायटी की प्रधान शांता शर्मा ने भी शिरकत की। डॉ देवराज ने शिविर में उपस्थित 35 प्रगतिशील पशुपालकों को उन्नत विधियां अपनाकर आय बढ़ाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। पशुओं में होने वाली बीमारियों व उनके निदान तथा सर्द ऋतु में शीत लहर के बचाव के बारे में भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने थनैला रोग में दूध तथा अन्य बीमारियों में गोबर, खून पेशाब व चमड़ी की जांच की महत्ता बारे में विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर अम्बुजा की पीएसएस प्रेमलता, उमा,उषा, बृजलाल, जगदीश, राजेन्द्र, देवीचंद, सावित्री, वीना सहित अन्य पशुपालक उपस्थित रहे।
सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के अंतर्गत पूजा कला मंच के कलाकारों द्वारा बुधवार को ग्राम पंचायत नेरी व धमून, भगवती सांस्कृतिक मण्डल शंठा के कलाकारों द्वारा ग्राम पंचायत बेलग व शैईला, हिम आधार लोक कला मंच के कलाकारों द्वारा ग्राम पंचायत कोहलु-जुब्बड़, मशोबरा, जयश्वरी लोक नृत्य कला मंच के कलाकारों द्वारा ग्राम पंचायत कोट-शिलारू, नारकंडा में प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का गीत-संगीत व लोक नाट्य के माध्यम से प्रचार कर लोगों को जागरूक किया। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं आरम्भ की गई है। गृह अनुदान योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अतिरिक्त अल्पसंख्यक, दिव्यांगजन, विधवा, एकल नारी तथा बेसहारा महिलाएं जिनकी वार्षिक आय 35 हजार रुपये से कम हो को मकान निर्माण के लिए राशि उपलब्ध करवाई जाती है। कलाकारों ने बताया कि नशे को छोड़ हम न केवल अपना बल्कि समाज और प्रदेश का उद्धार करते हैं। नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत रहकर हम शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा दे सकते हैं, जिससे देश व प्रदेश की उन्नति होगी। इस अवसर पर कलाकारों ने उपस्थित लोगों से कोरोना वायरस बचाव के लिए हाथों को बार-बार धोना, सामाजिक दूरी बनाए रखना तथा मुँह को मास्क से ढक कर रखना आदि नियमों की अनुपालना करने का आग्रह भी किया।
ग्राम पंचायत रौड़ी के गांव बागा वार्ड नंबर 5 में ग्राम विकास समिति की बैठक का आयोजन हुआ ।बैठक की अध्यक्षता विकास समिति के प्रधान हीरालाल ठाकुर ने की। बैठक में एक प्रस्ताव पारित करके बागा गांव के चारों ओर 3.5 किलोमीटर सोलर कंपोजिट फैंसिंग लगवाने हेतु स्वीकृति देने के लिए हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर व हिमको के चेयरमैन रतन सिंह पाल व 2,75,000 की आर्थिक सहायता देने के लिए अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के अधिकारियों का धन्यवाद किया गया। प्रस्ताव में कहा गया है कि लोगों की फसलों को बंदरों तथा जंगली जानवरों से निजात दिलाने हेतु पूरे गांव के चारों ओर सोलर कंपोजिट्स फेंसिंग लग रही है। 3.5 किलोमीटर लंबी इस फेंसिंग की लागत 37 लाख रुपए है। इसमें से कुल राशि का 30% लगभग ₹11,00,000 किसानों द्वारा अदा किया जाएगा और इस फेंसिंग को लगाने के लिए स्थानीय उद्योग अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन द्वारा ₹2,75,000 का योगदान दिया गया है, जिसके लिए गांव के लाभार्थी 58 किसानों ने अंबुजा यूनिट हेड मनोज श्रीवास्तव, एसीएफ के कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र गांधी तथा योगेश का भी धन्यवाद किया है। बैठक में खाता वार्ड की सदस्य कृष्णा देवी, बागा वार्ड की सदस्य मीना ठाकुर, धनीराम, श्यामलाल, लोक राम, खेमराज, कृष्ण लाल, हरी सिंह, महेंद्र, जयदेव, महिला मंडल प्रधान अनीता व महिला मंडल के सभी सदस्य मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय को देहरा में दी गई भूमि के सीमांकन का कार्य प्रशासन द्वारा शुरू कर दिया गया है। एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि नायब तहसीलदार देहरा सुरिंद्र कुमार की देख-रेख में राजस्व और वन विभाग के कर्मचारी तेज गति से इस कार्य को पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं। बरसात का मौसम होने की वजह से आ रही दिक्कतों के बावजूद भी प्रशासन पूरी तनमयता से सीमांकन के कार्य के लिए मैदान में डटा हुआ है। एसडीएम ने बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय को दी गई भूमि के लगभग 35 प्रतिशत हिस्से में सिमांकन का कार्य पूरा किया जा चुका है। उनका प्रयास है कि उपायुक्त कांगड़ा डाॅ. निपुण जिंदल द्वारा दिए गए निर्धारित समय के अंदर यह कार्य पूरा कर लिया जाए, जिसके लिए नायब तहसीलदार सुरिंद्र कुमार की देख-रेख में पूरी टीम निरंतर कार्य कर रही है।
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दातेड़ में बुधवार को खुला दरबार का आयोजन कर जनता की समस्याओं का समाधान किया गया। ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के विधायक व राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चन्द ध्वाला ने ग्राम पंचायत टिप्परी, जारूंडी, सियालकड़, दातेड़, मझीण व फकेड़ में चल रहे विकासात्मक कार्यों की समीक्षा कर जनसमस्याओं को सुना। उन्होंने छः ग्राम पंचायतों से आए पंचायत प्रतिनिधि एवं बुथ स्तर के कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और आम जनमानस के कार्यों में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को उनके निवारण का मार्ग प्रश्सत करने के निर्देश दिए। ध्वाला ने कहा कि प्रदेश सरकार मानवीय मूल्यों के आधार पर कार्य कर रही है। इसी कारण आम जनमानस का हित ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कोई भी गरीब या असहाय परिवार सरकारी सुविधाओं और लाभ से वंचित न रहे यह सुनिश्चित करने का काम पंचायत प्रतिनिधि व विभागों के अधिकारी करें। समय से जनता की समस्याओं के निवारण हेतु प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 को आरंभ किया गया है। प्रदेश में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजना जनता के लिए रामबाण सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से लगभग 1.70 लाख शिकायतें पूरे प्रदेश में प्राप्त हुई हैं, जिनमें से लगभग 1.50 लाख का समाधान किया जा चुका है। साथ ही लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निवारण सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए अधिकारी इसके प्रति सजग रहें। इस अवसर पर सभी पंचायतों के प्रतिनिधि व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
जिला मंडी में प्रशिक्षित नर्सरी अध्यापिका संघ द्वारा बुधवार को शांतिपूर्ण रैली का आयोजन किया गया। मंडी जिला उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शिक्षा मंत्री गोविंद राम ठाकुर को अपनी मांगों के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा। जिसमें जिला मंडी की एनटीटी होल्डर्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस रैली की अध्यक्षता स्टेट कारणी की महासचिव कल्पना शर्मा की अध्यक्षता में की गई। पिछले 23 वर्षों से NTT होल्डर सरकारों से गुहार लगाते आ रहे थे कि प्री० प्राइमरी कक्षाओं को सरकारी स्कूलों में चलाया जाए। कल्पना शर्मा ने कहा कि हम अपने प्रधानमंत्री का वह अपने प्रदेश के मुख्यमंत्री का तहदिल से धन्यवाद करते हैं कि उनके प्रयास से ही आज हमारे हिमाचल की राजकीय प्राथमिक पाठशाला में प्री० नर्सरी कक्षाओं को चलाया जा रहा है यह बहुत ही सराहनीय कदम है इसी के तहत एंटिटी होल्डर्स को भी रोजगार की आशा पूरी होती नज़र आ रही है। इतने वर्षों के लंबे इंतजार को जयराम सरकार विराम लगा रही है इसके लिए हम मुख्यमन्त्री का तहदिल से धन्यवाद करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जो प्री प्राइमरी कक्षाएं राजकीय प्राथमिक पाठशाला में चलाई जा रही हैं उनमें एंटिटी अध्यापकों की नियुक्ति किसी स्कीम के तहत ना करके आरएन्डपी रूल्स बनाकर अनुबंध के आधार पर की जाए और बैच वाइज़ भर्तियां की जाए और कई महिलाओं की उम्र 45 पार कर चुकी है इसलिए सरकार से विनम्र अनुरोध है कि आयु सीमा में भी छूट दी जाए ताकि इतने वर्षों से बेरोज़गार महिलाओं को रोज़गार मिल सके और हमारा भविष्य उज्जवल हो सके हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारी वर्तमान सरकार हमारी इन मांगों को जल्द ही पूरा करेगी।
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को विधायक राजेंद्र राणा ने खेल मैदान बनाकर देने के बहाने खूब ठगा है। चुनावी बेला पर आनन-फानन में उनके द्वारा किए गए, शिलान्यास विधानसभा क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। यह बात सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष विरेंद्र ठाकुर उपाध्यक्ष अंकुश गुप्ता मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर ने जारी प्रेस बयान में कही है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि सुजानपुर के विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग के साथ झूठ बोला है। यह हम नहीं कह रहे, बल्कि उनके द्वारा आनन-फानन में किए गए शिलान्यास ही चीख चीख कर कहते हुए सुनाई पढ़ रहे हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि खेल मैदान बनाने के बहाने विधायक ने लाखों रुपए सरकार के बर्बाद कर दिए। जिसका जीता जागता उदाहरण पंचायत चमियाना में बनने वाला खेल मैदान है। लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद उस खेल मैदान व विज्ञान भवन का कोई अता पता नहीं है। इसी तरह एक अन्य खेल मैदान व विज्ञान भवन वर्ष 2017 में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत कक्कड़ में विधायक ने स्कूल मैदान में बनाने का शिलान्यास किया था। लेकिन यह खेल मैदान कहां पर है, कहां पर बना है। इसका भी कोई अता पता नहीं है। मात्र शिलान्यास ही खेल मैदान बनाने और विधायक कि झूठ की राजनीति को बेनकाब कर रहे हैं। विनोद ठाकुर ने कहा कि एक तरफ राजेंद्र राणा केवल झूठ के सहारे लोगों को गुमराह पहले भी करते आये है और वर्तमान में भी कर रहा है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल है जो विधानसभा क्षेत्र में विकास की एक अलग ही गाथा लिखते हुए नजर आ रहे हैं।
अतंर्राष्ट्रीय शांति दिवस पर दुनिया भर के लोगों में परस्पर प्रेम की भावना और मानवता को संजोए रखने के लिए इटरनल विश्वविद्यालय बडू साहिब द्वारा स्थायी शांति स्थापित करने के तरीकों पर वेबिनार का आयोजन किया गया। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यातिथि के रूप में वेबिनार में हिस्सा लिया। वेबिनार में अंतर्राष्ट्रीय वक्ता लेस्ली उडविन, थिंक इक्वल यु के, मेहरबानी कौर, प्रेरक वक्ता, कनाडा मौजूद रहे। इस बेविनार मे लगभग 4757 लोगों ने वेबिनार में भाग लिया। विश्व शांति स्थापित करने हेतु डॉ देवेन्द्र सिंह उप कुलपति इटरनल विश्वविद्यालय ने सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, गुरु नानक देव के प्रेम, करुणा, समता तथा भाईचारे के सदेशों को याद करने की अपील की। उन्होंने बताया एक शांत एवं खुशहाल ज़िन्दगी का मूल मंत्र गुरुनानक देव की शिक्षाओं में ही छुपा है, गुरुनानक की शिक्षाए शांति स्थापित करने का बहुत ही सरल माध्यम है। मनुष्य को सदैव प्रसन्न रहना चाहिए। ईश्वर से सदा अपने लिए क्षमा मांगनी चाहिए एवं सदैव एक ही ईश्वर की उपासना करनी चाहिए।


















































