कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश में उपचुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस एकजुटता और पूरी मजबूती के साथ इन चुनावों को लड़ेगी और जीतेगी भी। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ बैठक में राठौर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से लेकर सरकार की विफलताओं और बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व नए कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस ने जितने भी आंदोलन प्रदेश में किये उनमें उन्हें प्रदेश के लोगों का भरपूर सहयोग मिला है और उनके यह आंदोलन बहुत ही सफल रहें है। राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने दो नगर निगम चुनावों सोलन और पालमपुर में शानदार जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नगर निकाय व पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की तरह इसे भी जबरन हथियाने की पूरी कोशिश की थी। मगर कांग्रेस की एकजुटता से वह इसमें सफल नही हो सकी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के किसी भी राजनैतिक षडयंत्र को कभी सफल नही होने देगी। राठौर ने शुक्ला को भरोसा दिलाया कि वह इन उपचुनावों में जीत हासिल कर कांग्रेस नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने में कोई कोर कसर नहीं रखेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि प्रदेश में गत सप्ताह (26 जुलाई से एक अगस्त, 2021) कुल 86548 लोगों के कोविड-19 टेस्ट किए गए, जिनमें से इस अवधि के दौरान 1100 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मामलों में कमी आई है लेकिन लोगों को इस महामारी से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की संख्या 1111 हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 26 जुलाई से एक अगस्त, 2021 के दौरान कोविड पॉजिटिविटी दर 1.3 प्रतिशत दर्ज की गई है। प्रवक्ता ने कहा कि इस अवधि के दौरान जिला बिलासपुर में कुल 10288 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 56 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 0.5 प्रतिशत रही। चंबा में कुल 10151 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 226 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 2.2 प्रतिशत रही, हमीरपुर में कुल 8850 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 50 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 0.6 प्रतिशत रही, कांगड़ा में कुल 13335 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 149 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 1.1 प्रतिशत, किन्नौर में कुल 1659 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 13 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 0.8 प्रतिशत रही। उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू में कुल 4009 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 97 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 2.4 प्रतिशत रही। लाहौल स्पीति में कुल 499 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 11 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 2.2 प्रतिशत, मंडी में कुल 6543 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 276 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 4.2 प्रतिशत रही। शिमला में कुल 7850 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 127 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 1.6 प्रतिशत रही। सिरमौर में कुल 7931 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 12 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 0.2 प्रतिशत, सोलन में कुल 7518 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 45 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 0.6 प्रतिशत और जिला ऊना में कुल 7915 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 38 लोग पॉजिटिव पाए गए और पॉजिटिविटी दर 0.5 प्रतिशत दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान प्रदेश में केवल 7 कोरोना मरीजों की मृत्यु दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड-19 महामारी का प्रभाव कम हुआ है लेकिन वैश्विक महामारी कोविड-19 अभी समाप्त नहीं हुई है, इसलिए इससे सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी की संभावित तीसरी लहर से बचाव के दृष्टिगत कोविड अनुरूप व्यवहार जैसे परस्पर दूरी बनाए रखना, साबुन-पानी से हाथ धोना या सैनिटाईजर से हाथ साफ करना और मास्क का उपयोग करना आदि नियमों का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
जसवां-परागपुर क्षेत्र की टिप्परी पंचायत के दो वार्ड के 80 परिवारों की 500 से ज्यादा आबादी को अब सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। साथ ही टिप्परी व चन्नौर जाने वाले राहगीर भी इस संपर्क मार्ग से होकर आ-जा सकेंगे। कैप्टन संजय पराशर ने जेसीबी मशीन से इस सड़क का जीर्णोद्वार कर दिया है। लंबे समय से लगभग खड्ड बन चुकी यह सड़क वाहनों के चलने-फिरने लायक नहीं थी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए थे और वाहन चलाना खतरे से कम नहीं था। इस बारे में ग्रामीण किसी भी स्तर पर सहायता न मिलने से असहाय व निराश महसूस कर रहे थे। गांववासी सर्वजीत सिंह ने कुछ समय पहले कैप्टन संजय से संपर्क साधा और वार्ड नम्बर दो व तीन में सड़क की खस्ताहाल के बारे में उन्हें अवगत करवाया। संजय ने खुद मौके पर सड़क की हालत देखी तो अपने खर्च से जेसीबी मशीन से मार्ग बनाने का निर्णय लिया। सोमवार सुबह से जेसीबी मशीन ने सड़क निकालने का कार्य शुरू कर दिया, जोकि दो दिन तक चलेगा। गांववसियों सुरेश कुमार, सतपाल, गुरनाम सिंह, राज कुमार, कर्म चंद, सुभाष, सुखदेव, कांता देवी और सुषमा देवी ने बताया कि इस सड़क की जीर्ण-शीर्ण अवस्था से ग्रामीण बेहद परेशान थे। सड़क पूरी तरह से खराब हो चुकी थी। बरसात के मौसम में तो पैदल चलना तक मुश्किल हो रहा था। ऐसे में संजय पराशर को इस समस्या के बारे में बताया गया तो उन्होंने बिना किसी देरी के काम शुरू करवा दिया। सड़क बनने से टपियाल बस्ती, महाशय बस्ती और सुंडयाल बस्ती के वासियों को फायदा होगा। इन गांववासियों ने कैप्टन संजय का आभार जताते हुए कहा कि वे क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों को बखूवी निभा रहे हैं और क्षेत्र की जनता के हर सुख-दुख में खड़े होकर हर किसी की मदद को तत्पर रहते हैं। वहीं, कैप्टन संजय ने कहा कि अगर उनके संसाधनों से क्षेत्रवासियों की कोई मदद होती है तो इसके लिए वह हमेशा सहर्ष योगदान देते रहेंगे। सनद रहे कि पराशर इससे पहले भी जसवां-परागपुर क्षेत्र के कई गांवों में इस तरह के कार्यों में अपना सहयोग दे चुके हैं। पिछले माह वह चौली पंचायत के बरियाल बेहड़ा में सड़क ठीक करवा चुके हैं तो कलोहा, स्वाणा और बठरा में भी खेल मैदान बनवा चुके हैं। शिक्षा, रोजगार व स्वास्थ्य के क्षेत्र में पराशर ने पिछले समय में उल्लेखनीय योगदान दिया है। टीम पराशर ने रक्कड़ पंचायत में महिलाओं को दिए निशुल्क सैनेटरी पैड : संजय पराशर की महिला विंग की टीम ने सोमवार को रक्कड़ पंचायत में महिलाओं को निशुल्क सैनेटरी पैड वितरित किए। कार्यकर्ता रीना देवी ने एक सौ से ज्यादा महिलाआओं को पैड भेंट किए। रीना ने कोरोना महामारी के दौर में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को माहवरी के समय स्वच्छता बनाए रखने के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि अब तक क्षेत्र की सात पंचायतों रक्कड़, चौली, रिड़ी कुठेड़ा, नंगल चौक, स्यूलखड्ड, मूंही और स्वाणा में 6438 महिलाओं को 12876 सैनेटरी पैड बांटे जा चुके हैं।
भर्ती निर्देषक कर्नल एम राजाराजन ने बताया कि वर्ष 2021-2022 के लिए सेना की खुली भर्ती का आयोजन आगामी 06 नवम्बर से 16 नवम्बर 2021 तक मण्डी या कुल्लू या लाहौल-स्पिति के मैदान में किया जायेगा। इस भर्ती में जिला मण्डी, कूल्लू और लाहौल-स्पिति के नवयुवक भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि भर्ती में सैनिक सामान्य ड्यूटी (जी.डी.), सैनिक लिपिक, स्टोर कीपर तकनीकी और सिपाही फार्मा पद के लिए चयन किया जायेगा। भर्ती निदेशक ने कहा कि इस बार सैनिक ट्रेडमैन पद की भर्ती भी की जा रही है जिसमें मण्डी, कुल्लू और लाहौल-स्पिति के सैनिक ट्रेडमैन पद के उम्मीदवारों की भर्ती ए.आर.ओ शिमला द्वारा रामपुर या जुन्गा या सोलन या पावंटा साहिब में आयोजन किया जायेगा। जिला मण्डी, कुल्लू और लाहौल-स्पिति के सभी अभ्यर्थीयों को सूचित किया जाता है कि भर्ती में भाग लेने के लिए वे अपना रजिस्ट्रेशन सेना की वेबसाइट पर 28 अगस्त 2021 तक कर सकतें हैं। भर्ती निर्देशक ने यह भी बताया कि ऑनलाइन रजिस्टर्ड होने के बाद उम्मीदवार अपना रजिस्ट्रेशन वेबसाइट मे लॉगिन करने के बाद आवेदन की स्थिति पर अपना रजिस्ट्रेशन सबमिट हुआ की नहीं पुष्टि करें। क्योंकि केवल ऑनलाइन रजिस्टर्ड उम्मीदवार को ही भर्ती में भाग लेने के लिए एडमिट कार्ड दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि अभी तक लाहौल-स्पिति जिला के केवल 35 उम्मीदवारों ने ही रजिस्ट्रेशन किया है। भर्ती निर्देषक ने लाहौल-स्पिति जिला के प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया कि नौजवानों को सेना में भर्ती होने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रोत्साहित करें । चेतावनी जारी करते हुए भर्ती निदेशक ने उम्मीदवारों से आग्रह किया है कि भर्ती के लिए किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। दलाल केवल आपको गुमराह कर सकते हैं। क्योंकि भर्ती प्रकिया पुरी तरह कम्प्यूटराइज्ड और पारदर्शी है इसलिए दलाल इसमें कुछ नही कर सकता है। अपनी मेहनत पर विश्वास करें। जाली प्रमाण पत्र लेकर आने वाल उम्मीदवारों को पुलिस को सौंप दिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। उम्मीदवारों का शारीरिक शक्तिवर्धक दवाओं के सेवन का दौड़ के बाद परीक्षण भी किया जायेगा और पकड़े जाने पर ऐसे उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद्ध की जाएगी। अगर कोई भी भर्ती करवाने के लिए रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरन्त भर्ती कार्यालय, मण्डी के भर्ती निर्देषक अथवा पुलिस को दें।
पत्रकारों को अमेरिका और कनाडा के नंबरों से फोन कॉल कर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को 15 अगस्त का झंडा न फहराने देने की धमकी के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार को भी धमकी भरा कॉल आया है और झंडा ना फहराने की धमकी दी गई है। वही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी पुलिस के दम पर झंडा नही फहराने देगे ऐसी बात कही गई है। वही पुलिस द्वारा पहले से ही इस धमकी भरे फ़ोन कॉल आने पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। यह एफआईआर गुरपखवंत सिंह पन्नू के खिलाफ दर्ज की गई है, जिसके नाम से कॉल के दौरान रिकॉर्ड किया गया मैसेज सुनाया गया था। पंजाब में अस्थिरता लाने की असफल कोशिश के बाद हिमाचल प्रदेश की ओर रुख करने वाले खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने पहले ही मोर्चा खोल दिया है। वही पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार द्वारा प्रशासन को इस धमकी भरे फ़ोन कॉल की जानकारी दे दी गई है।
पीडब्ल्यूडी राेहडू में एसई यानी सुप्रीटेंडेंट ऑफ इंजीनियर का पद पिछले छह महीने से खाली चल रहा है। जिस कारण वहां का लाेगेां काे दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। सूत्राें से मिली जानकारी के मुताबिक छह महीने पहले रामपुर एसई काे राेहडू का अतिरक्त कार्यभार साैंपा गया, लेकिन लाेगाें काे रामपुर काफी दूर पड़ रहा है। यहां के सरकारी ठेकेदाराें समेत लाेगाें ने प्रदेश सरकार से मांगी की है कि जल्द ही रेगुलर नियुक्ति की जाए या शिमला के एसई काे ही अतिरक्त कार्यभार साैंपा जाए। ताकि लंबित कार्याें का निपटारा करने में आसानी हाे सके। बताया गया कि राेहडू़ एसई के तहत जुब्बल-काेटखाई का एरिया भी आता है। जिस कारण वहां के लाेगाें काे रामपुर दूर पड़ता है और काम पिछले छह महीने से लंबित पड़े हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी मुख्यालय शिमला से संपर्क करने की काेशिश की ताे दूरभाष नहीं उठाया गया। बताया गया कि इस मसले पर लाेग जल्द ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से अपील करेंगे।
कोरोना संक्रमण के साये में सोमवार को पूरे प्रदेश सहित कांगड़ा जिला के स्कूल भी विद्यार्थियों के लिए खुल गए हैं, स्कूल प्रशासन द्वारा सरकार के दिशा-निर्देश अनुसार एक दिन पूर्व स्कूलों को सैनिटाइज करवाया गया है। सोमवार सुबह विद्यार्थियों को सैनेटाइज और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही कक्षाओं में प्रवेश दिया गया, साथ ही मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ध्यान रखा गया। वहीं विद्यार्थियों को कक्षाओं में उचित दूरी के साथ अलग-अलग कमरों में बिठाया गया। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडा सीबा के प्रधानाचार्य डॉ गणेश दत्त शर्मा के अनुसार स्कूल में 10वीं, 11वीं व 12वीं के 321 में से 178 के करीब विद्यार्थी पहुंचे थे। वहीं स्कूल प्रधानाचार्य का कहना है कि सरकार के दिशा निर्देशानुसार के अनुसार 2 अगस्त से विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोल दिए गए हैं उन्होंने कहा कि इस दौरान कॉविड 19 को लेकर सरकार द्वारा जारी सभी गाइडलाइंस का ध्यान रखा जा रहा है ताकि संक्रमण का खतरा पैदा ना हो। वही इस मौके पर स्कूल पहुंचे विद्यार्थियों ने भी अपने भाव सांझा किए। विद्यार्थियों का कहना है कि लंबे अंतराल के बाद उन्हें स्कूल में आकर अच्छा लग रहा है, उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा कोविड-19 को लेकर तमाम सावधानियां बरती जा रही है और स्कूल में सामाजिक दूरी का भी उचित ध्यान रखा जा रहा है।
चौकी प्रभारी डाडा सीबा किशोर चंद ने एक नोटिस जारी करते हुए बताया कि प्राय देखने में आया है कि प्राइवेट व सरकारी बसों के चालक व परिचालक अपनी बसों को डाडा सीबा पुल, सड़क किनारे व डाडा सीबा बस स्टॉप पर अनाधिकृत रूप से खड़ा कर देते हैं जिस कारण यातायात के आगमन में बाधा उत्पन्न होती है तथा किसी अप्रिय घटना के होने का अंदेशा बना रहता है और बस स्टैंड के साथ स्कूल, कॉलेज व तहसील भवन है इसलिए आप उन सभी बस चालकों, परिचालकों को निर्देश दिया जाता है कि कोई भी बस चालक डाडा सीबा बस स्टॉपेज या पुल पर कोई भी बस या वाहन को पार्क ना करें, उल्लंघन करने वाले के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन निर्देशों की कड़ाई से पालना करना सुनिश्चित करें।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में ऐसे सभी मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त मतदान केन्द्र अनुमोदित किए हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 950 से अधिक हैं। 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में कुल 132 मतदान केन्द्र हैं। भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं की संख्या के दृष्टिगत 22 अतिरिक्त मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। अब अर्की विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्र की कुल संख्या 154 हो गई है। अर्की विधानसभा क्षेत्र में जिन मतदान केन्द्रों में 950 से अधिक मतदाता हैं, में बनाए गए अतिरिक्त मतदान केन्द्रों का विवरण इस प्रकार है। अर्की विधानसभा क्षेत्र के 24-नवगांव मतदान केन्द्र जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवगांव में स्थापित है में कुल 1099 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 672 मतदाताओं के लिए 24-नवगांव (पश्चिमी भाग) तथा 427 मतदाताओं के लिए 24-क नवगांव (उत्तरी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवगांव में स्थापित किए गए हैं। 30-स्यार मतदान केन्द्र जो कि वन विश्राम गृह स्यार में स्थापित हैं में कुल 1114 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 516 मतदाताओं के लिए 30-स्यार (उत्तरी भाग) तथा 598 मतदाताओं के लिए 30-क स्यार (पूर्वी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र वन विश्राम गृह स्यार में स्थापित किया गया है। 31-दाड़ला मतदान केन्द्र जो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला दाड़ला में स्थापित हैं, में कुल 1111 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 744 मतदातओं के लिए 31-दाड़ला (उत्तरी भाग) तथा 367 मतदाताओं के लिए 31-क दाड़ला (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला दाड़ला में स्थापित किया गया है। 32-बरायली मतदान केन्द्र जो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला बरायली में स्थापित हैं, में कुल 1008 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 535 मतदाताओं के लिए 32-बरायली (उत्तरी भाग) तथा 473 मतदाताओं के लिए 32-क बरायली (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला बरायली में स्थापित किया गया है। 39-दाती-ब्राह्मणा मतदान केन्द्र जो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला दाती-ब्राह्मणा में स्थापित है, में कुल 1119 मतदाता है। इस मतदान केन्द्र के 482 मतदाताओं के लिए 39-दाती-ब्राहमणा (दक्षिणी भाग) तथा 637 मतदाताओं के लिए 39-क दाती-ब्राहमणा (उत्तरी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला दाती-ब्राहमणा में बनाया गया है। 46-डिनण (भराड़ीघाट) मतदान केन्द्र जो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला भराड़ीघाट में स्थापित किया गया है, में कुल 1103 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 652 मतदाताओं के लिए 46-डिनण (भराडीघाट) (पूर्वी भाग) तथा 451 मतदाताओं के लिए 46-क डिनण (भराड़ीघाट) (उतरी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला भराड़ीघाट में बनाया गया है। 47-धुन्धन मतदान केन्द्र जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्धन में स्थापित किया गया है, में कुल 1137 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 558 मतदाताओं के लिए 47-क धुन्धन (पूर्वी भाग) तथा 579 मतदाताओं के लिए 47-क धुन्धन (उत्तरी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्धन में स्थापित किया गया है। 62-अर्की-2 मतदान केन्द्र जो कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की में स्थापित है, में कुल 956 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 592 मतदाताओं के लिए 62-अर्की-2 (उत्तरी भाग) तथा 364 मतदाताओं के लिए 62-क अर्की-2 (पश्चिमी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की में स्थापित किया गया है। 63-अर्की-3 मतदान केन्द्र जो कि राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की में स्थापित है, में कुल 1122 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 519 मतदाताओं के लिए 63-अर्की-3 (दक्षिणी भाग) तथा 603 मतदाताओं के लिए 63-क अर्की-3 (पूर्वी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में बनाए गए हैं। 68-सरयांज मतदान केन्द्र जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरयांज में स्थापित है, में कुल 1155 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 604 मतदाताओं के लिए 68- सरयांज (पूर्वी भाग) तथा 551 मतदाताओं के लिए 68-क सरयांज (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केनद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरयांज में स्थापित किए गए हैं। 72-लोहारघाट मतदान केन्द्र जो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला लोहारघाट में स्थापित है में कुल 1232 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 627 मतदाताओं के लिए 72-लोहारघाट(पूर्वीभाग) तथा 605 मतदाताओं के लिए 72-क लोहारघाट (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला लोहारघाट में स्थापित किए गए हैं। 73-कोहू मतदान केन्द्र जो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला कोहू में स्थापित हैं, में कुल कुल 1032 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 509 मतदाताओं के लिए 73- कोहू (पूर्वी भाग) तथा 523 मतदाताओं के लिए 73-क कोहू (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला कोहू में स्थापित किए गए है। 89-पलानिया मतदान केन्द्र जो कि पंचायत घर पलानिया में स्थापित है, में कुल 981 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 473 मतदाताओं के लिए 89-पलानिया (पूर्वी भाग) तथा 508 मतदाताओं के लिए 89-क पलानिया (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र पंचायत घर पलानिया में स्थापित किए गए हैं। 106-बलेरा मतदान केन्द्र जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा में स्थापित हैं में कुल 993 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 517 मतदाताओं के लिए 106- बलेरा (पूर्वी भाग) तथा 476 मतदाताओं के लिए 106-क बलेरा (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा में स्थापित किया गया है। 116-नमोल मतदान केन्द्र जो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला नमोल में स्थापित हैं, में कुल 1044 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 392 मतदाताओं के लिए 116-नमोल (पूर्वी भाग) तथा 652 मतदाताओं के लिए 116-क नमोल (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला नमोल में स्थापित किए गए हैं। 118-बनोह मतदान केन्द्र जो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला खरडहट्टी में स्थापित है, में कुल 1045 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 611 मतदाताओं के लिए 118-बनोह (पूर्वी भाग) तथा 534 मतदाताओं के लिए 118-क बनोह (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला खरडहट्टी में स्थापित किया गया है। 120-मान मतदान केन्द्र जो कि पंचायत घर मान में स्थापित हैं, में कुल 1209 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 611 मतदाताओं के लिए 120-मान (पूर्वी भाग) तथा 598 मतदाताओं के लिए 120-क मान (पूर्वी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र पंचायत घर मान में स्थापित किया गया है। 121-मनलोगकलां मतदान केन्द्र जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनलोगकलां में स्थापित है, में कुल 971 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 511 मतदाताओं के लिए 121- मनलोगकलां (पूर्वी भाग) तथा 460 मतदाताओं के लिए 121-क मनलोगकलां (उत्तरी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनलोगकलां में स्थापित किया गया है। 125-चमदार मतदान केन्द्र जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चमदार स्थापित है, में कुल 1052 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 531 मतदाताओं के लिए 125- चमदार (उत्तरी भाग) तथा 521 मतदाताओं के लिए 125-क चमदार (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चमदार में स्थापित किया गया है। 126-मटुली मतदान केन्द्र जो कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला मटुली में स्थापित है, में कुल कुल 1034 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 506 मतदाताओं के लिए 126- मटुली (पूर्वी भाग) तथा 528 मतदाताओं के लिए 126-क मटुली (उत्तरी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला मटुली में स्थापित किए गए हैं। 128-दिग्गल मतदान केन्द्र जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दिग्गल में स्थापित है, में कुल 1070 मतदाता हैं। इस मतदान केन्द्र के 562 मतदाताओं के लिए 128-दिग्गल (पूर्वी भाग) तथा 508 मतदाताओं के लिए 128-क दिग्गल (दक्षिणी भाग) अतिरिक्त मतदान केन्द्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दिग्गल में स्थापित किया गया है।129-बधोखरी मतदान केन्द्र जो कि राजकीय उच्च पाठशाला बधोखरी में स्थापित हैं, में कुल 951 मतदाता हैं।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोलन-शिमला के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य के दृष्टिगत 4 अगस्त को 11 केवी वाटर सप्लाई फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी।उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 4 अगस्त को प्रातः 09.30 बजे से सांय 06.00 बजे तक चम्बाघाट चौंक, फोरेस्ट कॉलोनी, बेर गांव, बेर पानी, डीआईसी, बेर खास, करोल विहार, एनआरसीएम, जौणाजी, दामकड़ी, फ्लाई, शिल्ली, धाली, सेर चिराग, मशीवर, भाजो, कोटला, अश्वनी खड्ड, चंगर, रालीधार, बजरोल, नडोह, शूलिनी नगर के कुछ क्षेत्रों, दुग्ध शीतन सयन्त्र एवं इसके आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। मौसम खराब होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति अगले कार्यदिवस पर बाधित की जाएगी। उन्होंने इस अवधि में क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की है।
पुलिस चौकी संसारपुर टैरेस प्रभारी एएसआई संजीव कुमार व उनकी टीम ने पंजाब के युवकों को संसारपुर टैरेस में सडक किनारे शराब पीकर हुडदंग मचाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम जब एएसआई संजीव कुमार अपनी टीम राजेश कुमार, मुकेश कुमार, अजय कुमार व कस्तूरी लाल सहित गश्त पर थे तब उन्होंने संसारपुर टैरेस से फतेहपुर सडक पर पेखा के समीप पंजाब के चार युवकों को गाडी के दरवाजे खुले रखकर शराब पीकर हुडदंग मचाते हुए देखा। एएसआई संजीव कुमार द्वारा पूछे जाने पर वो युवक पुलिस से उलझने लगे व गाडी के दरवाजे बंद करके वहां से भाग गये। हालांकि मौके से भागे युवकों को पुलिस ने कुछ दूरी पर पंजाब में पकड लिया। चारों गुरदासपुर पंजाब के युवकों पर मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर रात को उनका मेडिकल करवाया गया। वहीं चारों युवकों को एसडीएम देहरा के समक्ष पेश किया जायेगा।
राजकीय क्लासिकल एवं वर्नाकुलर अध्यापकों के चुनाव बुद्धि राम शास्त्री मंज्याट व लक्ष्मी चंद शास्त्री जाबल जमरोट की अध्यक्षता में संपन्न करवाए गए। इस दौरान पुरानी कार्यकारिणी को भंग किया गया। चुनाव प्रक्रिया में चुनाव प्रभारी बुद्विराम शास्त्री व लक्ष्मी चंद शास्त्री को चयनित किया गया। इस दौरान सचिव के लिए राकेश रघुवंशी का नाम देवेंद्र ने प्रस्तावित किया व अनुमोदन के लिये बंसीलाल राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन के भाषा अध्यापक ने किया। जबकि कोषाध्यक्ष के लिए चंद्रप्रकाश जीतराम ने प्रस्ताव रखा व मदन मोहन ने अनुमोदन किया। सदस्यों में मदन मोहन कलाध्यापक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनी मटेरनी चुने गए। जयप्रकाश पीईटी राजकीय उच्च पाठशाला लडोग और रंजीत रघुवंशी कलाध्यापक राजकीय उच्च पाठशाला सारमा चुने गए। वहीं मीडिया प्रभारी के लिए नरेश कुमार पीटीई राजकीय माध्यमिक पाठशाला पथेड़ को चुना गया। इस मौके पर कृष्णकांत, राकेश रघुवंशी, चंद्र प्रकाश, मदन मोहन, जयप्रकाश, जीत रघुवंशी, देवेंद्र कुमार,ललित कुमार, नागेश कुमार, बंसी ठाकुर, चमनलाल, संजीव कुमार, नरेश कुमार सहित अन्य सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को 33 केवी सराहां फीडर में आवश्यक कार्य के दृष्टिगत 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र ओच्छघाट की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियन्ता विकास गुप्ता ने दी। विकास गुप्ता ने कहा कि इसके दृष्टिगत 4 अगस्त को दिन में 01.00 बजे से 02.00 बजे एक घण्टे के लिए ओच्छघाट, नौणी, दोलांजी, कालाघाट, जटोली, कोठों, टटूल, धारों की धार, धर्जा तथा आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित किए कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सनवारा के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा है। स्कूल के 21 छात्र-छात्राओं ने इसमें परीक्षा दी थी और सभी अच्छे अंकों के साथ पास हुए है। स्कूल में मानविकी विषय में आयुषी नेगी ने 96 प्रतिशत अंक लेकर पहला, जश्नप्रीत सिंह व कुशाल सचदेवा ने 94-94 प्रतिशत अंक लेकर संयुक्त रूप से दूसरा, कॉमर्स विषय में मयंक अंग्रवाल ने 93 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा व मानविकी विषय में सुमित कुमार ने 92 प्रतिशत अंक लेकर चौथा स्थान हासिल किया है। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. संजीव मैनरा व स्कूल के एमडी हीरा ठाकुर ने विद्यार्थियों के इस शानदार परीक्षाण परिणाम के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अध्यापकों व विद्यार्थियों की मेहनत से परीक्षा परिणाम बेहतर आया है।
कोविड की दूसरी लहर के बाद 2 अगस्त से सरकारी दिशा निर्देशों के अनुसार स्कुल खुल गए है। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार के दसवीं से 12वीं तक के छात्र सरकार व विभाग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए स्कूल पहुंचे। विद्यालय प्रधानाचार्य बीएस ठाकुर ने बताया कि विद्यालय को खोलने से पहले पूरी तरह से सैनीटाईज़ किया गया था। विद्यालय में दसवीं, 11वीं व 12 वीं की नियमित कक्षाएं शुरू कर दी गई है। विद्यालय पहुंचे बच्चो की थर्मल स्क्रीनिंग करने के पश्चात कक्षाओं में सोशल डिस्टनसिंग का पालन करते हुए बैठाया गया। इस दौरान सभी बच्चों को मास्क पहनना व सेनेटाइजर को भी साथ रखने की हिदायत दी गई।
हिमाचल प्रदेश के लिये समर्पित सयुंक्त व्यापार संगठन के सभी पदाधिकारी प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश ठाकुर के नेतृत्व में कुनिहार में एकत्रित हुए। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी प्रदेश कोषाध्यक्ष लायक राम भारद्वाज, प्रदेश सचिव एवं जिला सोलन के प्रभारी दिनेश शर्मा और साथ में प्रदेश सचिव चमन कश्यप के सानिध्य में जिला सोलन महिला कार्यकारिणी एवं युवा कार्यकारिणी के गठन के संबध में विशेष चर्चा हुयी। प्रदेशाध्यक्ष के निर्देश व सभी पदाधिकारियों की सहमति से सत्या ठाकुर को जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा नियुक्ति किया गया एवं युवा शक्ति को एकत्र करके नरेश कुमार को जिला युवा अध्यक्ष सोलन बनाया गया। बैठक में युवा अध्यक्ष ने अपनी युवा जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश ठाकुर ने नवीन टीम को व्यापार व व्यापारी हित में संघर्ष करने का आवाहन किया और खुशी जताई कि नव नियुक्ति सभी पदाधिकारी शीघ्र सोलन जिले की समस्त सम्मानित कार्यकारिणी का गठन करेंगे व संगठन को आगे ले जाने में अपना भरपूर सहयोग करेंगे।
कुनिहार की सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत स्तनपान दिवस मनाया गया। इसमें महिलाओं को शिशु के लिए स्तनपान के लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पँचायत कोठी व हाटकोट में पर्यवेक्षक कुनिहार विभाष सिंह ने स्तनपान के बारे में महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि माँ का दूध बच्चे के लिए गुणकारी व अमृत सम्मान है। माँ का दूध पीने से बच्चे में विभिन्न रोगों के प्रति लड़ने की क्षमता बढ़ती है। इस लिए हर माँ को अपने शिशु को स्तनपान करवाना चाहिए। जिससे उनका शिशु हष्टपुष्ट व तन्दरूस्त रहे। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नीता, रमा,शशी, उर्मिला, गीता,अंजिता, कमलेश,मीरा व काफी संख्या मे महिलाएं मौजूद थी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जमा दो के परीक्षा परिणाम में जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। विद्यालय की प्राचार्य रेणु शर्मा ने बताया कि इस परीक्षा में 72 बच्चे बैठे थे और सभी बच्चे प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। साइंस स्ट्रीम में वत्सला, निखिल डोगरा, दर्शिका सिंह और सैजल, जबकि कॉमर्स में जिया एवं कामना ने 95.4% अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्राचार्य ने सभी बच्चों शिक्षकों एवं अभिभावकों को इस सफलता के लिए बधाई दी है।
प्रगति और विकास की दौड़ में तेज़ रफ़्तार से आगे बढ़ते हुए हम प्रकृति के लिए अपनी ज़िम्मेदारियों और समझ को पीछे छोड़ते जा रहे है। साल-दर-साल घायल होता हिमालय क्षेत्र आज हमारी उपलब्धियों के तमाम दावों को झुठलाने लगा है। ये दरकते पहाड़ विकास की तमाम नीतियों की खामियों को उजागर कर रहे और हम खामोश है। किसी ने सही कहा है कि अब साेया ताे सुन ले साथी कभी जाग न आएगी। लगता है किन्नौर की जनता ने ये बात गाँठ बांध ली है। मन में किन्नौर की वादियों को सुरक्षित रखने का दृढ़ निश्चय लेकर किन्नौर की जनता ने जिले में प्रस्तावित जंगी-थाेपन बिजली प्राेजेक्ट के खिलाफ संघर्ष का बिगुल बजा दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्व में स्थापित हुए पावर प्राेजेक्ट्स ने किन्नौर की स्थिति ख़राब कर दी है, आए दिन सामने आती प्राकृतिक आपदाओं ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। पुरानी गलतियों से सबक लेते हुए जंगी-थाेपन बिजली परियाेजना के दायरे में आने वाले बाशिंदाें ने संबंधित बिजली परियाेजना प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हाथ में " NO MEANS NO, SAVE KINNAUR " के बैनर लिए इस क्षेत्र के युवा, बुद्धिजीवी समेत शिक्षाविध सड़कों पर उतर आए है। किन्नौरी बोली में क्यांग शब्द का इस्तेमाल करते हुए अपना संघर्ष शुरू कर दिया है। बता दें की क्यांग शब्द का हिंदी में अर्थ चिंगारी होता है। ऊर्जा राज्य हिमाचल में भले ही बिजली उत्पादन की भारी क्षमता है, मगर प्रदेश के पहाड़ अब खोखले हाेने की कगार पर है। जिला किन्नौर की स्थिति भी कमोबेश ऐसी ही है। किन्नौर की जनता इससे परेशान है और अब यहां के लोगों ने इन पहाड़ों और प्रकृति को बचाने के लिए नाे माेर प्राेजेक्ट इन किन्नौर, नाे मींज़ नाे का नारा देकर संघर्ष शुरू कर दिया है। दरअसल एसजेवीएन के तहत सतलुज बेसिन पर प्रस्तावित 804 मेगावाट क्षमता वाली जंगी-थाेपन बिजली प्राेजेक्ट से सात गांव प्रभावित होंगे। फिलवक्त इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य शुरु नहीं हुआ हैं पर निर्माण कार्य शुरु होने की स्थिति में सात गांव को खतरा हाे सकता है। कारण यह है कि जिस क्षेत्र में प्रोजेक्ट तैयार होना है वहां का पूरा एरिया चट्टानों से भरा है। रारंग गांव का पूरा क्षेत्र एनएच-5 के ऊपर ढांक पर बसा हुआ है। उसके बाद थाेपन, खादरा, आकपा, जंगी और लिप्पा गांव तक इस परियाेजना का नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पिछले साल एनएच-5 काे चाैड़ा करने के लिए यहां बलास्टिंग हाे रही थी तब भी रारंग गांव के कुछ लाेगाें के मकानाें में दरारें आ गई थी। इसी के साथ लोगों का मानना है कि परियाेजना शुरु हाेने से इन क्षेत्राें में प्राकृतिक जल स्राेत सूख जाएंगे, जिससे सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित होगी। लोगों के मन में ये डर है कि प्रोजेक्ट बनने के बाद उन्हें विस्थापित किया जा सकता है। ऐसे में जंगी-थोपन बिजली परियोजना निर्माण कार्य शुरु होने से पहले ही सात गांव के लाेगाें ने एकजुट होकर संघर्ष का बिगुल बजा दिया है। एसजेवीएन का दावा, कोई भी गांव नहीं होगा विस्थापित कई वर्षों से विवादों में रही जंगी-थोपन बिजली परियोजना को लेकर हल्ला बाेल के बीच एसजेवीएन ने दावा किया है कि काेई भी गांव विस्थापित नहीं हाेगा। एसजेवीएन का कहना है कि प्रोजेक्ट निर्माण कार्य शुरु होने में अभी तीन से चार साल लग सकते हैं। अभी प्रोजेक्ट प्रस्तावित है और निर्माण से पहले सर्वे किया जा रहा है। एसजेवीएन ने बताया कि जहां भी टनल, डैम, पावर हाउस स्थापित होंगे, सब जगहों का वैज्ञानिक तरीके से सर्वे हाे रहा है। सर्वे के बाद ही निर्माण कार्य शुरु हाेगा। एसजेवीएन का दावा है कि परियाेजना क्षेत्र में विकास ही हाेगा न कि विनाश। इसके साथ-साथ हिमाचल प्रदेश पावर पाॅलिसी के तहत प्रभावित गांव के परिवाराें काे नाैकरी भी दी जाएगी। एसजेवीएन का कहना है कि लोगों को डरने की कोई ज़रूरत नहीं है। उल्लेखनीय है कि 804 मेगावॉट की क्षमता वाली जंगी-थोपन बिजली परियोजना स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार के पास एसजेवीएन सहित चार पावर कारपोरेशन से ऑफर आया था। इसमें से एसजेवीएन के साथ एमओयू साइन किया गया। हालांकि इस परियोजना को स्थापित करने के लिए बीडिंग व प्रीमियम की शर्त नहीं हैं, लेकिन बिजली उत्पादन शुरू होने के 40 साल बाद परियोजना राज्य सरकार की होगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सरकारी शर्तों के अनुसार ही जंगी-थोपन बिजली परियोजना निर्माण कार्य शुरू होगा। ऐसा रहा प्रस्तावित जंगी-थोपन बिजली प्रोजेक्ट का इतिहास जंगी थोपन प्रोजेक्ट का काम 15 साल यानी वर्ष 2006 से लटका हुआ है। वर्ष 2006 में राज्य सरकार ने इस प्रोजेक्ट का टेंडर किया था और ब्रेकल को ये प्रोजेक्ट मिला। ब्रेकल ने इसका काम अदानी कंपनी को दिया और अदानी कंपनी से अपफ्रंट मनी की 280 करोड़ की राशि सरकार को मिली। उसके बाद ये प्राेजेक्ट रिलायंस काे दिया गया, लेकिन अपफ्रंट मनी के चक्कर में रिलायंस कंपनी भी पीछे हट गई। इसके बाद इस मसले पर तत्कालीन वीरभद्र सरकार ने 21 सितंबर 2016 को बड़ा फैसला लिया था। रिलायंस के पीछे हटने के बाद राज्य सरकार ने पीएसयू यानी पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग के साथ समझौता करने का फैसला किया, जिसके बाद ये प्रोजेक्ट एसजेवीएन को सौंप दिया गया। 281 हेक्टेयर भूमि की आवशयकता, 5708 कराेड़ हाेंगे खर्च जंगी-थाेपन बिजली परियोजना पर अनुमानित 5708 करोड़ रुपये व्यय होने है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक परियोजना के लिए अनुमानित 281.16 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी जिसमें से 247.12 हेक्टेयर भूमि वन भूमि होगी, जबकि 24.81 हेक्टेयर निजी भूमि तथा 9.23 हेक्टेयर बीआरओ व लोक निर्माण विभाग से उपलब्ध होगी। बता दें कि परियोजना के तहत जंगी गांव के नजदीक बांध प्रस्तावित है, जबकि भूमिगत पाॅवर हाऊस का निर्माण काशंग नाला में किया जाएगा। परियोजना से कानम, जंगी, रारंग, मूरंग, स्पीलो व अकपा पंचायतें प्रभावित होंगी। परियोजना के तहत बनने वाली सुरंग आधुनिक तकनीक टीवीएम से बनाई जाएगी। प्रदेश सरकार के ऊर्जा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक परियोजना निर्माण के समय प्रभावितों के हितों का पूरी तरह से संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। आंदोलन की राह पर जनता, मंजूर नहीं प्रोजेक्ट, जारी रहेगा संग्राम प्रस्तावित जंगी-थोपन जल विद्युत परियोजना को लेकर जंगी, रारंग व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने जमकर विरोध करना शुरु कर दिया है। हाल ही में जल विद्युत परियोजना के प्रबंधन द्वारा जंगी-थोपन परियोजना के निर्माणाधीन स्थल पर सम्बंधित पंचायतों के एनओसी के बिना मशीनों को काम के लिए उतारा गया जिस पर ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। वैसे तो पहाड़ की टूट फ़ूट प्रकृति का चक्र है लेकिन बीते वर्षों मे भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने से लोगों में डर है। जंगी व रारंग के ग्रामीणों की माने ताे विरोध की शुरुआत तब हुई जब परियोजना प्रबंधन ने बिना पंचायत एनओसी काम शुरू करना चाहा। ग्रामीणाें ने बताया कि बिना पंचायत की अनुमति के बड़ी-बड़ी मशीनें लाई गई। हालांकि एसजेवीएन का तर्क है जंगी-थाेपन जल विद्युत परियोजना प्रबंधन द्वारा केवल सर्वे किया जा रहा है और सर्वे के लिए एनओसी की जरूरत नहीं होती। पर ग्रामीण इस तर्क को सफ़ेद झूठ करार दे रहे है। ग्रामीणों ने सड़क पर उतर कर इसका विरोध किया है। ग्रामीणों व प्रबंधन के बीच नोकझोंक भी जारी है।परियोजना प्रबंधन द्वारा फिलहाल सर्वे के काम को भी रोक दिया गया है आगे की कार्रवाई सरकार के दिशा-निर्देशों के बाद ही शुरू होगी। हमें किसी भी कीमत पर पावर प्रोजेक्ट मंजूर नहीं है, विकास के नाम पर विनाश होते हुए हम देख नहीं सकते। हमारी पंचायत इस बात पर अड़ी हुई है कि परियोजना का निर्माण होने नहीं दिया जाएगा। इस क्षेत्र में सिंचाई का एक मात्र साधन प्राकृतिक जल स्त्राेत है, साथ ही गांव चट्टानों पर बसे हुए है। यदि प्राेजेक्ट निर्माण कार्य शुरु हाेगा ताे संभवत: पूरे का पूरा क्षेत्र उजड़ जाएगा। इसके लिए सबकाे राजनीति से उठकर संघर्ष करना हाेगा, तभी जल, जंगल और जमीन काे हम बचा पाएंगे। -राजेंद्र नेगी, प्रधान ग्राम पंचायत रारंग। संघर्ष समिति रारंग ने यह ठान लिया है कि जंगी-थोपन बिजली परियोजना को किसी भी सूरत में शुरु होने नहीं दिया जा सकता। क्षेत्र काे बचाने के लिए सबको एकजुट होकर प्रोजेक्ट का विरोध करना होगा। हम पिछले साल से ही आंदोलन की राह पर अग्रसर है, लेकिन कुछ लोग इसमें भी राजनीति कर रहे हैं, जो बिल्कुल गलत है। हम प्रकृति को बचाने के लिए राजनीति से ऊपर उठ कर संघर्ष करना हाेगा। रारंग, खादरा और अकपा गांव की जनता ने विद्युत परियोजना प्रबंधन को पहले ही चेतावनी दे दी है कि प्रोजेक्ट का काम शुरू हुआ तो अंजाम भुगतने के लिए वे तैयार रहें। हमने कह दिया है कि NO MEANS NO -सुंदर नेगी, उपाध्यक्ष संघर्ष समिति रारंग। सीधी सी बात है कि थाेपन से लेकर जंगी तक का एरिया पावर प्राेजेक्ट के लिए अनुकूल नहीं हैं, यह क्षेत्र काफी संवेदनशील है, जहां पर छाेटे-छाेटे पहाड़ हैं। प्रोजेक्ट बनने से ये क्षेत्र कभी भी उजड़ सकते हैं। हमारा यही मानना है कि जंगी-थाेपन बिजली परियाेजना का भार सहने के लिए प्राकृतिक एवं भाैगाेलिक दृष्टि से इन पहाड़ों में क्षमता नहीं हैं। हमने पहले दिन से इसका विरोध किया है, जाे अंतिम चरण तक जारी रहेगा। यह प्राेजेक्ट न ताे न्याय संगत है और न ही प्रकृति के अनुकूल। प्राकृतिक जल स्त्रोत से ही हमारे क्षेत्र में कृषि एवं बागवानी होती है। यदि बिजली परियोजना का निर्माण कार्य शुरु हाेगा ताे सब कुछ लुप्त हाे जाएगा जिसे हम होने नहीं देंगे। -राेशन लाल नेगी, अध्यक्ष संघर्ष समिति जंगी।
अध्यापक वर्ग की भर्ती की प्रक्रिया दो सालों से चल रही है जो अभी तक पूरी नही हो पाई है। यह बात कांग्रेस के महासचिव संजय अवस्थी ने अपने प्रेस ब्यान में कही। उन्होंने कहा की पिछले साल सितंबर में टीजीटी मेडिकल, शास्त्री व आर्टस की परीक्षा हो चुकी है और टीजीटी मेडिकल की एक बार अप्रैल में काउंसिलिंग प्रकिया रद्द होने के बाद पिछले महीने काउंसिलिंग हो चुकी है। लेकिन सरकार ने परिणाम अभी तक नहीं निकाला। शास्त्री भर्ती की कांउसलिंग 15 जुलाई 2021 से 5 अगस्त 2021 तक है। कारण यह है कि सरकार बड़ी चतुराई से बेरोज़गारों के साथ खेल रही है। इसके पीछे का गणित यह है की जो कॉन्ट्रेक्ट पर भर्ती होती हैं वो तीन वर्ष अपने पूरे करने के बाद अप्रैल और सितंबर में रेगुलर हो पाते हैं। यदि सितंबर के बाद वह नियुक्ति होती हैं तो तीन वर्ष पूरे करने के बाद भी लगभग छ: महीने बाद रेगुलर हो पाएंगे। जिससे सरकार को उनका वेतन नहीं देना पड़ेगा। यही हिमाचल प्रदेश सरकार भी कर रही है। उन्होंने कहा कि एक दो लोगों का रिज़ल्ट निकाल कर लोगों को यह दिखाना चाहता है कि सरकार रोज़गार दे रही है। संजय अवस्थी ने कहा कि कमीशन पास करने के बाद भी दो साल का कॉन्ट्रेक्ट सरकार ने क्यों रखा है। जब कमीशन निकाल कर युवा आते हैं तो सीधी भर्ती क्यों नही रखी जाती। उन्होंने कहा कि बैचवाइज़ भर्ती भी सरकार ने इसलिए की है क्योंकि हिमाचल में चुनाव होने है। जिसमे सरकार जनता को जताना चाहती है कि उन्होंने बेरोजगारों को रोज़गार दिया है। जिन्होंने कमीशन पास किया है रोज़गार उनका हक है सरकार की दया नहीं है। संजय अवस्थी ने कहा की सरकार रिटायर टीचरों के लिए तो एक्सटेंशन दे रही है।लेकिन जो पढ़ा लिखा बेरोजगार युवा है उसे नौकरी नहीं दे पा रही है। इससे सरकार की नियत पर भी सवाल उठ खड़े होते है आखिरकार क्यों ये रिजल्ट नही निकल रहे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार की नियत ठीक है तो वह जल्द से जल्द रिजल्ट निकालें ताकि शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके।
हिमाचल प्रदेश शिवा परियोजना के अंतर्गत उद्यान विभाग ने पंचरुखी के मौलीचक गांव में फल पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर वूल फेडरेशन के अध्यक्ष, त्रिलोक कपूर ने मौसमी का पौधा रोपित किया। उन्होंने यहां उपस्थित किसानों और बागवानों से हिमाचल सरकार की महत्वकांशी शिवा परियोजना पर विस्तार से चर्चा की और परियोजना के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने इस कार्यक्रम से जुड़ने वाले सभी किसानों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि उद्यान, जलशक्ति और ग्रामीण विकास के अनुरूप फलदार पौधे रोपित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से निःशुल्क पौधे, बाड़बंदी और सिंचाई इत्यादि की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस समूह में लगभग 1111 फलदार पौधे 25 कनाल भूमि में रोपित किये जाएंगे और आने वाले समय मे इस क्षेत्र के किसानों को इनका लाभ प्राप्त होगा। इस अवसर पर विषय वाद विशेषज्ञ बैजनाथ, विषय वाद विशेषज्ञ मशरूम, उद्यान विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित किसान और पंचायती राज संस्थाओं से चुने प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
करियर अकादमी नाहन हिमाचल प्रदेश में पिछले 19 सालों से हर साल JEE Advance, JEE Mains & NEET मे शानदार रिजल्ट दे रहा है। फरबरी 2021 में करियर अकादमी ने अपनी नयी ब्रांच सोलन में शुरू की थी। अब 3 अगस्त, 2021 से करियर अकादमी सोलन ऑफलाइन क्रैश कोर्स NEET- 2021 बैच शुरू करने जा रहा है। जिसमे स्टूडेंट्स को ऑफलाइन क्लासेज के साथ आल इंडिया ऑफलाइन टेस्ट सीरीज भी दी जाएगी जिससे स्टूडेंट्स अपना रैंक पुरे आल इंडिया मे चेक कर सकते है।
ग्रामीण विकास सभा चनावग, चिंकारा इको क्लब, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनावग के संयुक्त संयोजन से ग्राम पंचायत चनावग में पौधारोपण कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इसमें देवदार के सौ से ज़्यादा पौधे लगाए गए। यह जानकारी ग्रामीण विकास सभा के अध्यक्ष जगदीश हरनोट, चिंकारा इको क्लब व प्रिंसिपल राज कुमार गौतम ने दी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की दृष्टि से आयोजित किया गया। इसमें पांच वर्षीय बच्ची दिव्यांशा ने अन्य बच्चों के साथ मिलकर देवदार का पहला पौधा रोपित किया। इस अवसर पर शिमला बसंतपुर वार्ड के जिला परिषद सदस्य चुनी लाल गर्ग विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम पंचायत प्रधान कृष्णा शर्मा, उपप्रधान जगदीश गौतम, ग्राम पंचायत चनावग के पांच वार्डों के सदस्य रमेश हरनोट, जयावंती, कांता देवी, आशा देवी, लीलाधर के अतिरिक्त राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला चनावग के प्रधानाचार्य राज कुमार गौतम, समस्त प्राध्यापक गण व स्कूल स्टाफ मौजूद रहा। पौधारोपण वन विभाग के प्रभारी वन रक्षक हरदेव शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण विकास सभा के अध्यक्ष जगदीश हरनोट ने किया। उन्होंने वन विभाग शिमला, जिला परिषद सदस्य चुनीलाल गर्ग सहित बच्चों और ग्रामीणों का आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
डाडासीबा में जसवां-प्रागपुर के ब्लाक काग्रेंस कमेटी के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों की रविवार को पूर्व कामगार एवम कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इस दौरान कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष जगबीर सिंह गग्गी, महिला अध्यक्ष अनुराधा ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष अंजना शर्मा, एससी अध्यक्ष संजीव शर्मा, ओबीसीअध्यक्ष कैप्टन सोमराज, युवा अध्यक्ष शुभम नांगला, कुशल सपेहिया, दलजीत, कंवर, आदि कार्यकर्ता विशेष रुप से मौजूद रहे। बैठक में अगामी विधानसभा चुनावों को लेकर एक रणनिति तैयार की गयी। मौजूद तमाम पार्टी पदाधिकारियों को यह दिशा निर्देश जारी किए गए कि डोर टू डोर लोगों को प्रदेश भाजपा सरकार की नाकामी व कांग्रेस की जनहित नीतियों के बारे में विस्तार से जागरुक करेगें। कांग्रेस नेता सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया ने कहा कि भाजपा के शासनकाल मे देशभर की आम जनता को अंग्रेज़ों से भी ज्यादा लूटा गया है। मोदी व जयराम सरकार के कार्यकाल में तेल, पेट्रोल, डीज़ल, सरसों तेल आदि तमाम खाद्य पदार्थों के दाम आम जनता की पहुंच से बाहर हो चुके है। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नाम पर ठगा गया है। मनकोटिया ने कहा कि भाजपा सरकार की यह तमाम जनविरोधी नीतिया लोगों के समक्ष रखी जाएगी।
प्रदेश में उपचुनाव नज़दीक है। ऐसे में सियासी बयानबाज़ी भी तेज़ हो गयी है। इसी बाबत विधायक राजेंद्र राणा ने सरकार पर निशाना साधा है। राणा कहा है कि गलती करने के बाद उसे सुधार लें तो प्रदेश के लोग माफ कर देते हैं, लेकिन वर्तमान सरकार में भूल-सुधार की गुंजाइश ही नहीं है। सरकार घबराई हुई है और अब फिर से उपचुनाव वाले क्षेत्रों में घोषणाएं कर रही हैं। गलतियों के साथ झूठे वायदे कर अपने हित साधने की सरकार की आदत बन चुकी है। धर्मशाला और पच्छाद विस क्षेत्र में भी प्रदेश सरकार की ऐसी ही कथनी-करनी रही है और अब एक लोकसभा व 3 विस चुनावों में हो रहे उपचुनावों में भी सरकार उसी परंपरा को निभा रही है। विधायक दल की बैठक में भाग लेने से पहले विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश के ऊपर कर्जा हजारों करोड़ रूपए है, ऐसे में सरकार को स्वीकृत कार्य पूरे करने चाहिए, न कि खोखली घोषणाओं में वक्त बिताना चाहिए। 4 साल बाद वायदे नहीं, जनता को काम चाहिए। उपचुनाव में ही संबंधित क्षेत्रों की सरकार को याद क्यों आईं ? उन्होंने कहा कि गलती हरेक इंसान से होती है और उसका पश्चाताप भी होता है, लेकिन ब्यूरोक्रेट्स की अंगुलियों पर चलने वाली सरकार अपनी धुन में ही मस्त है। उन्होंने पूछा कि उपचुनाव की आहट पाकर संबंधित लोकसभा व विस क्षेत्रों में मीठी चाशनी जैसी घोषणाएं करने वाले मुख्यमंत्री बताएं कि उन क्षेत्रों में पूर्व वीरभद्र सरकार में शुरू हुए व स्वीकृत कार्य कहां विलुप्त हो गए हैं। महंगाई और बेरोजगारी का सरकार ने क्या इलाज किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह अपने काम व नेक नीयत के लिए प्रदेश की जनता में अब भी जीवित हैं, लेकिन सरकार के कुछ लोग कांग्रेस पार्टी को बुरा-भला कहकर उनके पदचिन्हों पर चलने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह एक आदर्श स्थापित कर गए हैं, जिसमें खुद को ढालकर हमें उसी राह पर चलकर जनता की सेवा करनी है।
राज्यपाल ने आज भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन अरबिंद एण्ड इंडिया रेनिसेंस विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि अरबिंद घोष एक विद्वान, कवि और राष्ट्रवादी थे, जिन्होंने आध्यात्मिक विकास के माध्यम से सार्वभौमिक मुक्ति के दर्शन को प्रतिपादित किया। वह न केवल भारतीय क्रांतिकारियों में एक अग्रणी थे, बल्किदूरदर्शी भी थे, जिन्होंने एक उभरते हुए भारत का पूर्वाभास किया और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया। राज्यपाल ने कहा कि अरबिंद का पूरा जीवन बलिदान भरा रहा। उन्होंने कहा कि त्याग अलग-अलग विषयों में अलग-अलग तरीके से किया जा सकता है लेकिन त्याग की भावना का होना आवश्यक है। मन में त्याग का भाव हो तो सारा संसार तुम्हारा है, क्योंकि जब भी त्याग की भावना होती है, तो उसके दृष्टिकोण से भिन्न-भिन्न विषयों का समाधान किया जा सकता है। इसके बाद राज्यपाल ने आईआईएएस शिमला में टेनिस कोर्ट का भी उद्घाटन किया और पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और आरट्रेक मेजर जनरल राज शुक्ला के साथ टेनिस खेला।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गत सायं जिला मुख्यालय में लाहौल स्पीति के जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड, कृषि एवं बागवानी विभाग से बाढ़ से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने वर्ष भर पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए आधुनिक वैज्ञानिक अध्ययनों पर आधारित समग्र एवं सतत् योजना तैयार करने के जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल टनल रोहतांग के माध्यम से भूमिगत बिजली आपूर्ति केबल बिछाने के संबंध में सीमा सड़क संगठन से लंबित स्वीकृति संबंधी मामले पर चर्चा केे लिए जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अति आवश्यक है क्योंकि थिरोट पावर हाउस ही बिजली का एकमात्र स्रोत है। स्पीति उपमंडल में हुई क्षति के संबंध में रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बीआरओ कमांडेंट को उदयपुर क्षेत्र में मुख्य सड़क के जीर्णोद्धार के लिए समय सीमा सुनिश्चित करने को भी कहा। जनजातीय विकास मंत्री डाॅ.राम लाल मारकंडा ने मुख्यमंत्री को सम्पर्क सड़क की समस्या से नकदी फसलों को हुए नुकसान से अवगत कराया। इस अवसर पर उपायुक्त नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने प्रातः थिरोट तक बाढ़ से हुई क्षति का जायजा लेने के लिए थिरोट तक हवाई सर्वेक्षण किया।
कृतिका कुल्हारी ने विकास खण्ड धर्मपुर के पंचायती राज प्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत प्रधानों एवं सचिवों की संयुक्त प्रशिक्षण कार्यशाला को सम्बोधित किया। उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविड-19 पोजिटिव रोगियों के सम्पर्क में आए व्यक्तियों की खोज एवं परीक्षण के लिए सभी को जागरूक बनाएं।उन्होंने कार्यशाला के उपरान्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत धर्मपुर में हिम ईरा दुकान का विधिवत शुभारम्भ भी किया। उन्होंने यहां विभिन्न स्वंय सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों निरीक्षण किया और उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। कृतिका कुल्हारी ने इस अवसर पर कहा कि कोविड-19 जैसे गम्भीर रोग से बचाव के लिए सभी स्तरों पर सत्त तैयारी के साथ जागरूकता अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में पंचायत प्रतिनिधि महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत प्रधानों की विभिन्न समस्याओं को शीघ्र निपटाया जाए। कार्यशाला में पंचायती राज अधिनियम, पंचायत प्रधानों के अधिकारों, कर्त्वयों एवं शक्तियों, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी अधिनियम के तहत किए जाने वाले कार्यों, वित्तीय तथा न्यायिक शक्तियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला में विभिन्न वन अधिनियमों तथा ग्राम पंचायत में जन्म एवं मृत्यु के पंजीकरण की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बीडीसी धर्मपुर की अध्यक्ष जमुना देवी, उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, विभिन्न पंचायतों के 100 से अधिक प्रतिनिधि, उपमण्डलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव धीमान, खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर सुभाष अत्री सहित अन्य कार्यशाला उपस्थित थे।
कसौली विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज प्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ.राजीव सैजल ने कहा कि पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जन-जन को लाभान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। चुने हुए प्रतिनिधि को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र का समान विकास सुनिश्चित बनाने के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने आशा जताई कि सभी प्रतिनिधि विकास को गति प्रदान करते हुए जन समस्याओं के निवारण में सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में 29 तथा कसौली विधानसभा क्षेत्र में 06 नई ग्राम पंचायतें गठित की गई। इनके गठन से सभी क्षेत्रवासी लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने इस अवसर पर पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वह स्पष्ट सोच तथा दूरदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतन्त्र की मूल इकाई हैं और इनके माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित बनाया जा सकता है। प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, जिला सहकारी विपणन एवं उपभेक्ता संघ के अध्यक्ष सुन्दरम ठाकुर, दुधारू सहकारी सभा के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, भाजपा मण्डल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, जोगेन्द्रा सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष यश्पाल ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सदस्य मदन मोहन मेहता, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य राजकुमार सिंगला, जिला भाजपा उपाध्यक्ष दौलत ठाकुर, जिला भाजपा महामन्त्री अमर सिंह परिहार, युवा बोर्ड के सदस्य संजय ठाकुर, जेसीसी सोलन के निदेशक लाज किशोर शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता तीर्थ राम ठाकुर, भाजयुमो सोलन के अध्यक्ष नरेन्द्र ठाकुर, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव धीमान, खण्ड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर सुभाष अत्री, तहसीलदार कसौली मनमोहन सहित अन्य अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
पंचायत भरोली जदीद में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरोली जदीद की एसएमसी का चुनाव स्कूल प्रधानाचार्य अनिल कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान अभिभावकों द्वारा सर्वसम्मति से राजीव कुमार को स्कूल प्रबंधन समिति का अध्यक्ष चुना गया तथा इसके अतिरिक्त सोनल शर्मा, मंजू देवी, राजकुमारी, प्रदीप कुमारी, रजनी शर्मा, पूजा देवी, सीमा देवी, अंजना, अनुरीत शर्मा, ललिता शर्मा, आत्मा देवी, किरण कुमारी, कुलदीप, सुषमा देवी व राजकुमारी एसएमसी के सदस्य मनोनीत किए गए। वहीं इस दौरान स्कूल प्रबंधन समिति के प्रभारी भीम सिंह ने सभा को सम्बोधित भी किया। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल कुमार, नवगठित एसएमसी के सदस्य तथा स्कूल के स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
66/11 के.वी. सबस्टेशन में जरूरी मरम्मत रखरखाव कार्य हेतु दिनांक 2 अगस्त को विद्युत सप्लाई सुबह 9:00 बजे से कार्य समाप्ति तक बाधित रहेगी। जिसके तहत सभी 11 केवीफीडर स्यूलखड्ड, कस्बा कोटला, इण्डस्ट्रीयल एरिया फेज-1 व 2 दीपक इन्टरनैशनल, गोयल फरनेस, प्रीमीयर एल्कोबैव शंकर बोर्ड गणेश, इत्यादि बन्द रहेंगे। सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की गयी है।
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के तहत गुम्मर पंचायत में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की याद में पूर्व विधायक संजय रतन ने पौधारोपण किया। इस मौके पर उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक चौहान, गुम्मर पंचायत प्रधान शिमला देवी, उम्मर पंचायत प्रधान चंचला देवी, उपप्रधान वकील चंद, पूर्व बीडीसी सदस्य रामकृष्ण गोगी, रिटायर्ड एक्सईएन चमब्याल, रिटायर्ड एपीआरओ लालचंद राणा, पूर्व प्रधान बहादुर सिंह, दीप कुमार, पंडित श्याम सुन्दर, युवा कांग्रेस महासचिव करण राणा, सोशल मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार, मनोज कुमार लकी, अनंत कुमार, मनीष कुमार, नरेश कुमार सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सावन मास में कुनिहार क्षेत्र के हर मन्दिर व शिवालयों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है। कुनिहार की प्राकृतिक शिव ताण्डव गुफा में भी शिव भक्त गुफा में विराजमान स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन हेतु काफी संख्या में पहुंचकर भोलेनाथ का आशीर्वाद ले रहे हैं। गुफा विकास समिति अध्यक्ष रामरतन तनवर ने बताया कि वैसे तो सावन के पूरे महीने सुबह से शाम तक भक्तों की भीड़ रहती है, लेकिन सोमवार को अत्यधिक संख्या में शिव भक्त गुफा में विराजमान प्राकृतिक शिव लिंग, शेषनाग व नन्दी के दर्शनों को पहुंच रहे हैं। उन्होंने सभी शिव भक्तों से अपील की है कि प्रसासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए मास्क सैनिटाइज व उचित दूरी का ध्यान रखे।
जोगिन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र की पंचयात गोलवां से शिवा प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया गया। यह शुभारम्भ विधायक प्रकाश राणा ने किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि यह दिन जोगिन्द नगर की जनता के लिए बहुत ही सौभाग्य का दिन है। उन्होंने कहा कि आज निचले क्षेत्र में सारी जमीनें बंजर पड़ी हुई है। शिवा प्रोजेक्ट आय की एक बहुत ही अच्छी परियोजना है। इस योजना के तहत केवल 100 से 125 बीघा जमीन साफ करके उद्यान विभाग को देनी है। इसमें विभाग की तरफ से खड्डे खोदे जाएंगे, बाड़ बंदी व पानी की व्यवस्था और यहां तक की उन्नत फलों के पौधे विभाग द्वारा लगाए जाएंगे। स्वयं केवल हर पौधे के लिए10 किलो गोबर उपलब्ध करवाना है। इससे एक बीघा जमीन में लगभग 3 लाख रुपये की आमदनी होगी। साथ ही इसमें मनरेगा को भी शामिल किया जाएगा, जिससे वार्ड स्तर पर भी जनता को रोजगार उपलब्ध होगा। उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह का आभार प्रकट किया हैं।
जिला शिमला कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने सरकार पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारी बरसात में उपरी क्षेत्र में अधिकतर संपर्क सड़कें बंद पड़ी है, जिससे बागवानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छाजटा ने कहा कि सेब सीजन गति पकड़ चुका है और सड़कों के हालात भट खराब हैं सड़कों में गड्ढे या गड्ढों में सड़क इसमें कोई अंतर नहीं रहा है। इससे सरकार द्वारा की गई व्यवस्था की पोल खुलती है। उन्होंने कहा कि कि प्रदेश भाजपा सरकार आगामी उपचुनाव को लेकर ज़्यादा व्यस्त दिख रही है। छाजटा ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार पेट्रोल डीजल की कीमतें आसमान छू रही है और भाजपा सरकार कुंभकर्णी नींद में सो कर जनता को बड़े घरानों के हवाले लूट के लिए छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जहां पेट्रोल डीजल की कीमतों से आम जनता को आसमान छूती महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार महंगाई दूर करने के वादे से सत्ता में आई थी, उनका यह वादा पूरी तरह झूठा साबित हुआ है और देश प्रदेश में महंगाई के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। गैस या खानें में तेल दालें हो या अन्य खाद्यान्न सभी की मूल्य बढ़ने से लोग महंगाई की मार झेल रहे। छाजटा ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई प्रदेश के डिपुयों में सस्ते राशन की योजना भी दम तोड़ रही है। एक तरफ कोरोना तो दूसरी तरफ महंगाई दोनों की मार आम व् गरीब लोगों पर भारी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता इनके झूठे वादे जान गई ओर आगामी उपचुनाव वह प्रदेश के 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्तासीन होगी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के नए हेलीकाॅप्टर को लाहौल घाटी में फंसे लोगों को राहत प्रदान करने के लिए तैनात किया है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ से पांच दिनों तक सड़क मार्ग बंद होने के कारण लाहौल घाटी में फंसे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए अधिकारियों को घाटी में हेलीकाॅप्टर तैनात करने के निर्देश दिए। इस प्रकार प्रदेश के नए हेलीकाॅप्टर की पहली सेवाएं परोपकारी कार्यों के लिए ली जा रही हैं। हेलीकाॅप्टर की दिन भर की उड़ानों से तांदी में फंसे सभी लोगों को कुल्लू पहुंचाया जाएगा। कुल्लू से यह लोग सार्वजनिक परिवहन द्वारा अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचाए जाएंगे।
कोरोना के चलते काफी लम्बे अरसे से बंद पड़े स्कूल अब 2 अगस्त से खुलने जा रहे है। इसी के चलते सभी स्कूलों में तैयारियां शुरू कर दी गयी है। इसी के तहत कुनिहार में शनिवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य एक अध्यापक के साथ खुद ही विद्यालय की छत पर सफाई के लिए चढ़ गए। कोरोना के कारण काफी लम्बे समय बाद स्कूल खुल रहे हैं और स्कूलों में सैनीटाईज़ेशन व साफ सफाई का कार्य चल रहा है। साफ सफाई के दौरान स्कूल के ऊपर दूसरी मंजिल पर टीन की नई छत पर लगी पानी की पाईप को खोलने के लिए विद्यालय प्रधानाचार्य भूपेंद्र ठाकुर व अध्यापक सुधीर शर्मा ने स्वयं छत पर चढ़ कर छत की साफ सफाई की।
देश का पहला गायों का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस हिमाचल प्रदेश के ऊना में खुलेगा। इस सेंटर में सारे काम रोबोट करेगा। रोबोट गोबर उठाने, दूध निकालने से लेकर गायों की बीमारी के बारे भी जानकारी देगा। डेनमार्क की मदद से ऊना के बसाल में खुलने वाला यह सेंटर रोबोट से लैस होगा। केंद्र सरकार की 44 करोड़ की वित्तीय मदद से चलने वाले सेंटर के लिए समझौता ज्ञापन शीघ्र साइन होगा। वंही इस सेंटर के लिए डेनमार्क 200 गायें देगा। उल्लेखनीय है कि देश में आधुनिक तकनीक से डेयरी फार्म खोलने के लिए यह सेंटर मददगार होगा और साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को धमकी देने के मामले में पुलिस ने यहां खालिस्तान समर्थक समूह 'सिख्स फॉर जस्टिस' (एसएफजे) के सदस्य गुरपतवंत सिंह पनुन के खिलाफ देशद्रोह समेत अन्य धाराओं में शनिवार को मुकदमा दर्ज किया है। यह धमकी सुबह 10:54 बजे एक साथ शिमला के अधिकांश पत्रकारों को एक रिकॉर्डेड फोन कॉल के जरिए दी गई। फोन करने वाले ने खुद की पहचान एसएफजे के जनरल काउंसल गुरपतवंत सिंह पन्नून के रूप में की है। कॉल के माध्यम कहा गया कि वह जयराम ठाकुर को भारतीय तिरंगा फहराने नहीं देंगे। हिमाचल प्रदेश पंजाब का हिस्सा था एक बार जब पंजाब को आजाद कर लिया जाएगा तो हिमाचल प्रदेश के उन इलाकों पर भी कब्जा कर लेंगे जो पंजाब का हिस्सा थे। इस कॉल और भेजे गए संदेश की जांच आतंकी गतिविधि के एंगल से की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि आरोपी गुरपखवंत सिंह खालिस्तान समर्थक गुट सिख्स फॉर जस्टिस का सदस्य है। इस संगठन को भारत सरकार ने 2019 में भारी विरोधी गतिविधियों के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। इस संगठन का नेटवर्क विदेशों में है। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि सभी कॉल वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल के तहत की गई थीं। कॉल की जांच की जा रही है। साथ ही रिकॉर्डिंग की वॉयस स्पेक्टोग्राफी भी कराई जाएगी। इस जांच में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों पंजाब से सटे हिमाचल के नयनादेवी इलाके के मील पत्थरों पर शरारती तत्वों ने लिख दिया था कि इस जगह से खालिस्तान की हद शुरू होती है। इस मामले में भी हिमाचल पुलिस जांच कर रही है।
रोटरी क्लब पालमपुर में एक साधारण कार्यक्रम में पालमपुर के एसडीएम डॉ अमित गुलेरिया तथा नगर निगम की मेयर पूनम बाली ने शिरकत की। रोटरी क्लब के अध्यक्ष राकेश विज तथा पूर्व रोटरी जिला 3070 के तत्काल पूर्व गवर्नर सुनील नागपाल ने एसडीएम तथा मेयर को रोटरी पिन लगाकर रोटरी क्लब की ऑनरेरी सदस्य दिलाई। हाल ही में ज्वाइन किये एसडीएम अमित गुलेरिया ने कहा कि पालमपुर में प्राथमिकता के तौर पर उन पेड़ों को कटवाने का जिम्मा लेंगे जिनके कारण किसी न किसी रूप में लोगों की जान माल को खतरा है। उन्होंने कहा कि बह उपमंडल के अंतर्गत सड़क किनारे की पानी की नालियां और कुहलों की सफाई करवाएंगे। आवारा पशुओं, कूड़ा निष्पादन तथा पार्किंग की समस्या पर भी गम्भीरता पूर्वक विचार करेंगे। नगर निगम की मेयर पूनम बाली ने कहा कि निगम क्षेत्र के विकास हेतु धन उपलब्ध होना शुरू हो गया है तथा बह प्रशासनिक अधिकारियों और निगम कोर्पोरेटरज के साथ बैठक करके निगम के सम्पूर्ण विकास का खाका तैयार कर रहें है। इस मौके पर रोटरी क्लब के अधिकारियों ने भी प्रशासन को विभिन्न सुझाव दिए। रोटरी क्लब के सचिव सुरिंदर मोहन ने आये हुए सभी मेहमानों का धन्यवाद जताया। रोटेरियन डाक्टर वीसी अवस्थी, मनोज कंवर, सुरिंदर मोहन,आर के शर्मा, संदीप राणा, डॉ वाईएस धालीवाल, डॉ विनय महाजन, डॉ आदर्श कुमार, ऋषि संग्राय, मयूर सूद, कपिल सूद, अजय शर्मा, डॉ जतिन्द्र पाल, प्रिंसिपल वीरेंदर कुमार, राघव शर्मा, गोपाल सूद, पंकज जैन, विकास वासुदेवा, सुभाष जगोता, अजय सूद तथा संजीव बाघला इत्यादि उपस्थित रहे।
पालमपुर: बिरला बालिका विद्यापीठ कन्या विद्यालय में सौम्य ने बाहरवीं कक्षा में हासिल किया प्रथम स्थान
पालमपुर की बेटी सौम्य नागपाल ने बिरला बालिका विद्यापीठ कन्या विद्यालय पिलानी में सीबीएसई के तहत बाहरवीं कक्षा के विज्ञान विषय मे 98.80 प्रतिशत अंक लेकर पिलानी बिरला एजुकेशन ट्रस्ट के समस्त विद्यालयों में प्रथम स्थान हासिल करके पालमपुर को गौरवान्वित किया है। इस कीर्तिमान को लेकर सौम्य के दादा -दादी तथा माता -पिता की खुशी का ठिकाना नहीं है। सौम्य ने कहा कि वह भविष्य में एक प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना संजोय है। सौम्य ने बताया कि उसकी बड़ी बहन ईशा ने भी अपने समय मे पिलानी स्कूल में टॉप किया था जिस कारण मुझे भी प्रेरणा मिली थी। सौम्य के पिता सुनील नागपल रोटरी जिला 3070 के पूर्व गवर्नर तथा माता डेंटल सर्जन हैं।
भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने भाजपा के संगठनात्मक जिला देहरा के अध्यक्ष संजीव शर्मा जो कि चिंतपूर्णी के रहने वाले हैं उनको हिमाचल प्रदेश राज्य के लिए भारतीय खाद्य निगम की सलाहकार समिति के सदस्य नियुक्त होने पर टोपी पहना कर सम्मानित किए। उन्होंने बताया कि सलाहकार समिति खाद्यानों की खरीद वितरण, खाद्यानों की गुणवत्ता, खाद्यानों का भण्डारण, मार्गस्थ और भण्डारण हानियां, अंत्योदय गरीबी रेखा से नीचे और गरीबी रेखा से ऊपर के परिवारों और केंद्र अथवा राज्य सरकार द्वारा प्रचालित विभिन्न कल्याण योजनाओं के लिए खाद्यानों के आवंटन, उठान और वास्तविक वितरण सहित लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के कार्यक्रम के संबंध में राज्य सरकार के साथ खाद्य निगम में तालमेल बनाने में सहयोग करती है। उन्होंने कहा कि समिति स्टोर की बिक्री और निपटान उपभोक्ता मामलों, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय अथवा भारतीय खाद्य निगम द्वारा भेजे गए मामलों का निपटारा भी करती है। भाजपा प्रभारी ने कपिल देव सूद, अजय श्याम व नरेंद्र अत्री को भी सदस्य बनने पर शुभकामनाएं दी।
डीएवी भड़ोली स्कूल के छात्रों ने कोरोना काल में भी अपने कठिन परिश्रम लगन का परिचय दिया। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने बताया कि इस बार सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में 69 छात्राओं ने परीक्षा दी। जिनमें 17 बच्चों ने 90 फ़ीसदी से अधिक अंक प्राप्त कर मेरिट में रहे शरमन ठाकुर, स्नेह मैहरा, अंकिता चौधरी ,प्रियांशी शर्मा, निखिल शर्मा, आयुष राणा, आरुषि सूद, अंशिका शर्मा,अपेक्षा, तरिता पटियाल, कार्तिक कपिल, ईवा शर्मा, मुस्कान दत्ता, कनिका, मोहित शर्मा, इशिता भारती, मान्या। विद्यालय का परिणाम शत प्रतिशत रहा। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन प्रबोध महाजन, वाइस चेयरमैन ओपीसौंधी, एआरओ वीके यादव व प्रबन्धक नमित शर्मा ने प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा को उनके सराहनीय प्रबंधात्मक तथा ज्ञानवर्धक प्रयासो के लिए बधाई दी। प्रधानाचार्य ने अध्यापकों, अभिभावकों व बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
शिव शक्ति युवा क्लब बासा के पदाधिकारी तथा सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक होशियार सिंह से शनिवार को उनके निवास स्थान खेरियां में मिला। उन्होंने भटेहड़ बासा के वार्ड नंबर एक में मोड़ पर लगे हैंडपंप के ऊपर विद्युत मोटर लगाने के लिए लिखित पत्र के माध्यम से मांग की। जिसे विधायक ने आगामी कार्यवाही के लिए मौके पर ही जल शक्ति विभाग हरिपुर के सहायक अभियंता को प्रेषित किया। साथ ही युवाओं की मांग पर कम्पलीट जिम एक महीने के भीतर देने की भी बात कही तथा भटेहड़ बासा के डिपो के पास शेड बनाया जाना है जिसके लिए पचहत्तर हज़ार रूपए की सेंक्शन भी आ चुकी है। युवा क्लब ने विधायक होशियार सिंह का आभार व्यक्त किया है।
सीबीएसई कक्षा बारहवीं के परीक्षा परिणाम में डीएवी देहरा के छात्रों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। विद्यालय के सभी 100 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में अंक प्राप्त किये हैं। विद्यालय के 11 विद्यार्थियों में 95% अधिक अंक प्राप्त किए। जिनमे अंशिका भाटिया ने 96.6%, रुचिरा 96.4 और आस्था सपेहिया ने 96.2% अंक प्राप्त किये हैं। 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 29 रहे और 70 छात्रों में 80% से अधिक अंक प्राप्त किये। कक्षा बारहवी का क्यूपिआई 82.75 रहा। इस विशिष्ठ उपलब्धि पर डीएवी मैनेजिंग समिति के चेयरमैन प्रबोध महाजन, क्षेत्रीय अधिकारी वीके यादव, प्रबंधक बिक्रम सिंह और प्रधानाचार्य राकेश शर्मा एवं समस्त शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों और उनके अभिवावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दीं ।
हाल ही में CBSE द्वारा 12वीं कक्षा के घोषित किये गए परीक्षा परिणामों में JNV बनियादेवी के विद्यार्थियों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। स्कूल का रिजल्ट 100% रहा और 27 विद्यार्थियों ने 90% से ऊपर अंक हासिल किए है। दिव्या शर्मा 95.6% के साथ स्कूल में प्रथम स्थान पर रही। दिव्या साइंस की विधार्थी है। इसी के साथ उर्वशी 95.4% के साथ दूसरे व गौरव शर्मा 95.3% के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसी के साथ आर्ट्स में आयुष पंवार 95.2 % के साथ प्रथम, भावना शर्मा 93.8% के साथ दूसरे व जशनप्रीत सिंह 93.4% के साथ तीसरे स्थान पर रहे। स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा कि इस वर्ष सभी विद्यार्थियों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडा मे 31 जुलाई को स्कूल प्रबंधक समिति का चुनाव स्कूल प्रधानाचार्य गणेश दत्त शर्मा की अध्यक्षता मे सम्पन हुआ। शैक्षणिक सत्र 2021- 2024 के लिए गठन हुई इस कार्यकारिणी में अभिभावकों ने सर्वसम्मति से सुमन ठाकुर को एसएमसी प्रधान चुना। वहीं रणजीत सिंह, अजय सोनी, पूजा देवी, अंजना कुमारी, अशोक कुमार, पूजा रानी व पूर्ती चौधरी को अगले 3 वर्षों तक सदस्य चुना गया। इस अवसर पर स्कूल के सभी अध्यापक वर्ग उपस्थित रहे।
शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने आज यहां समग्र शिक्षा और आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में तैयार किए गए हिम तत्पर शिक्षा के साथ योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परम्परा का अमूल्य उपहार है। योग मनुष्य में शारीरिक और मानसिक सन्तुलन स्थापित करता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को योग का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा और विद्यार्थियों को भी हर घर पाठशाला कार्यक्रम के माध्यम से योग और ध्यान सिखाया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के लगभग आठ लाख से अधिक विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षा विभाग के हर घर पाठशाला कार्यक्रम में योग और ध्यान संबंधित वीडियो डाले जाएंगे। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी में योग आशा की नई किरण बन कर उभरा है। इस महामारी के प्रतिबन्धों और इससे पहुंची क्षति के कारण लोग अवसाद और तनाव जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। योग लोगों को मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों के फलस्वरूप संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया है। इससे पूर्व, शिक्षा मंत्री ने समग्र शिक्षा के डिजिटल साथी अभियान के लिए 50 मोबाइल फोन प्रदान किए। उन्होंने आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा इस अभियान के लिए 21 हजार मोबाइल फोन उपलब्ध करवाने की घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कारपोरेट घरानों और समृद्ध परिवारों से इस अभियान में बढ़-चढ़ भाग लेने का आह्वान किया। इस अभियान के माध्यम से प्राप्त होने वाले मोबाइल फोन अभावग्रस्त बच्चों को वितरित किए जाएंगे ताकि कोरोना के इस संकटकाल में उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर ने अपने वीडियो संदेश में शिक्षा मंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कह कि इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षक और विद्यार्थी योग के प्रति और अधिक जागरूक होंगे। समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक वीरेन्द्र शर्मा, आर्ट ऑफ लिविंग के पदाधिकारी मधुराव, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े।
जूनियर नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में किन्नौर जिले की लड़कियों ने अपने बॉक्सिंग पंच से कमाल कर दिखाया और रजत व कांस्य पदक हासिल किए है। यह प्रतियोगिता 26 जुलाई से 31 जुलाई तक हरियाणा के सोनीपत में आयोजित की गयी, जिसमें कशिश (48 किलोग्राम वर्ग) ने रजत पदक व सपना थापा (54 किलोग्राम वर्ग) ने कांस्य पदक जीता। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कशिश व सपना थापा को रजत व कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिले की लड़कियों ने सोनीपत में आयोजित जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में किन्नौर जिले सहित प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि गत दिनों चैथी यूथ पुरुष एवं महिला वर्ग की राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता भी हरियाणा के सोनीपत में 19 जुलाई से 23 जुलाई तक आयोजित की गयी थी। जिसमें जिले की स्नेहा कुमारी (66 किलोग्राम वर्ग) ने स्वर्ण पदक व ऋतू ने 52 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया था। इन लड़कियों ने अपने बॉक्सिंग पंच से ऐसा कमाल दिखाया कि ज्यादातर मैच 5-0 से ही जीते। इन चार लड़कियों का चयन आगामी एशियन चैम्पियनशिप के लिए हो गया है जिस से किन्नौर जिला में खुशी का माहौल है। ये चारों बॉक्सर जिला प्रशासन, खेल विभाग व जेएसडब्लू के सहयोग से चलाये जा रहे शिखर केन्द्र सांगला में प्रशिक्षण ले रही हैं। जेएसडब्लू की कडछम वांगतू परियोजना के प्रमुख कौशिक मौलिक एवं सीएसआर प्रमुख दीपक डेविड ने विजेता लड़कियों को बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं ।
हिमाचल प्रदेश सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से आज फिल्म और फोटो ऑफिसर अमर शक्ति मंजुल, वरिष्ठ वीडियो कैमरामेन मनजीत सिंह, वरिष्ठ सहायक मारूत शर्मा और वाहन चालक लायक राम भैक सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में विभाग के मुख्यालय में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विभाग की अतिरिक्त निदेशक आरती गुप्ता ने विदाई समारोह की अध्यक्षता करते हुए चारों कर्मचारियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अमर शक्ति मंजुल, मनजीत सिंह, मारूत शर्मा और लायक राम भैक ने तीस वर्ष से भी अधिक समय तक विभाग को अपनी बहुमूल्य सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने कर्मठता, अनुशासन और समर्पण की भावना से कार्य किया जो अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। आरती गुप्ता ने चारों कर्मचारियों की दीर्घायु और स्वस्थ्य जीवन की कामना की। विभाग के संयुक्त निदेशक प्रदीप कंवर एवं महेश पठानिया और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के साथ अपने अनुभवों और स्मृतियों को साझा किया। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ सम्पादक रहे डा. रणजीत सिंह राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जिनका लगभग दो माह पूर्व कोविड-19 के कारण निधन हो गया था और आज के दिन ही सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होना था।


















































