कैप्टन संजय पराशर ने जसवां-परागपुर क्षेत्र में निशुल्क सैनिटरी पैड वितरण को भी महाअभियान बना दिया है और अब तक पंद्रह पंचायतों में 30,000 सैनिटरी पैड महिलाओं व किशोरियों को बांटे जा चुके हैं। इसके लिए पराशर ने महिला विंग की एक विशेष टीम बनाई है, जोकि महिला मंडलों और पंचायतों में जाकर इस कार्य में लगी हुई हैं। इसके अलावा पराशर द्वारा लगाए जा रहे मेडीकल कैंपों में भी सैनिटरी पैड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। पराशर के इस अभियान का कई पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वागत योग्य कदम बताया है। सोनिका व संजय पराशर ने परागपुर के जन औषधि केन्द्र के उद्घघाटन अवसर पर यह घोषणा की थी कि निकटवर्ती गांवों में महिलाओं व किशोरियों को सैनिटरी पैड दिए जाएंगे। अब इस मुहिम का विस्तार करके जसवां-परागपुर क्षेत्र की पंद्रह पंचायतों तक कर दिया गया है और कुछ समय बाद क्षेत्र की तीस पंचायतों में इस कार्य का दायरा बढ़ाया जाएगा। अब तक भड़ोली जदीद, रक्कड़, कड़ोआ, स्वाणा, रिड़ी कुठेड़ा, डाडासीबा, पपलोथर, मूंही, गंगोट, सेहरी, कटोह टिक्कर, बाड़ी और चौली आदि पंचायतों में सैनिटरी पैड दिए जा रहे हैं। रक्कड़ पंचायत प्रधान जीवन लता, बीडीसी सदस्य अनुज शर्मा, पूनणी के उपप्रधान तिलक राज, चौली की पूर्व प्रधान ममता कटवाल और वार्ड पंच कुलदीप ने बताया कि संजय पराशर सामाजिक सरोकारों को बेहतर तरीके से निभा रहे हैं और अब सैनिटरी पैड का निशुल्क वितरण करके उन्होंने जसवां-परागपुर क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाया है। कोरोनाकाल में वैसे भी सैनिटरी पैड खरीदने में महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन पराशर की टीम द्वारा घर-द्वार पर ही यह सुविधा उपलब्ध करवाना सच में प्रशंसनीय कदम है। वहीं, पराशर की महिलरा विंग टीम की सदस्य रीना कुमारी ने बताया कि आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म में स्वयं को स्वच्छ रखकर गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। सभी महिलाओं को इसका प्रयोग करना चाहिए। गंदा कपडा आदि के प्रयोग से संक्रमण होने का डर बना रहता है। महिलाओं को उन्होंने निशुल्क सेनेटरी पैड वितरण किया जा रहा है और पंचायतों के प्रत्येक वार्ड तक फ्री सैनिटरी पैड वितरण का लक्ष्य रखा गया है। कैप्टन संजय ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी सोनिका पराशर के सुझाव पर यह कार्य शुरू किया है और इस वर्ष के अंत तक एक लाख सैनिटरी पैड का वितरण पूरे क्षेत्र में निशुल्क किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला मण्डी के नेरचौक के समीप कांसा चौक में हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ द्वारा आयोजित 5वें प्रांत अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अध्यापकों की विभिन्न श्रेणियों की सभी उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण विद्यार्थी सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं, क्योंकि लाॅकडाउन के कारण सभी शैक्षणिक संस्थान बन्द रहे, परन्तु प्रदेश सरकार ने विभिन्न नवाचार कार्यक्रमों को शुरू कर यह सुनिश्चित किया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन प्रदान किए गए हैं ताकि वे ऑनलाइन कक्षाओं से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि अध्यापक राष्ट्र निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि अध्यापकों की विभिन्न श्रेणियों के 8600 से अधिक नए पदों और पदोन्नति के माध्यम से 6000 पदों को भरा गया है तथा इस अवधि के दौरान शिक्षा विभाग ने 16000 से अधिक अध्यापकों और अन्य कर्मचारियों को नियमित किया है। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान 14687 से अधिक पैरा, पीटीए और अनुबन्ध अध्यापकों को भी नियमित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य कई क्षेत्रों में अग्रणी है और शिक्षा क्षेत्र उनमें से एक है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय अध्यापकों के कठिन परिश्रम और समर्पण भाव को जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य शिक्षा में समुचित विस्तार कर चुका है और सरकार गुणात्मक शिक्षा और शैक्षणिक अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण पर बल दे रही है। उन्होंने कहा कि अध्यापकों की सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह सुनिश्चित किया है कि लाॅकडाउन के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए प्रदेश में अभिनव कार्यक्रम हर घर पाठशाला की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अध्यापकों के कल्याण के लिए हमेशा चिंतित रहते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि उन्हें समय पर सभी वित्तीय लाभ प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश शिक्षा विभाग के एक लाख अध्यापकों और अन्य कर्मचारियों के कठिन परिश्रम और समर्पण भाव के कारण शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार ने गणमान्यों का स्वागत किया और अध्यापकों की विभिन्न मांगों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश में कार्यरत 2555 एसएमसी अध्यापकों के नियमितिकरण के लिए नीति बनाने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री और हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के संगठन मंत्री पवन मिश्रा ने शिक्षक संघ की विभिन्न गतिविधियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र कल्याण शिक्षा का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अध्यापकों को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए तभी भारत विश्व गुरू की छवि पुनः प्राप्त करेगा। बल्ह के विधायक इन्द्र सिंह गांधी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री का स्वागत किया और अध्यापकों की विभिन्न मांगों को स्वीकार करने का आग्रह किया। जोगिन्द्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चन्द शर्मा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष राजबली, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष दिलीप ठाकुर, उपाध्यक्ष डाॅ. माम राज पुंडीर, प्रांत मीडिया प्रभारी दर्शन लाल तथा निदेशक उच्चतर शिक्षा डाॅ. अमरजीत शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत कलेहली के छह युवक मंडल के सदस्यों को बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी द्वारा रविवार को जहां स्पोर्ट्स किट प्रदान की गई वही उन्हें ट्रैक सूट भी भेंट किए गए। यहां आयोजित कार्यक्रम में आसपास के गांवों के महिला मंडलों को भी इस दौरान सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा राष्ट्र शक्ति का प्रतीक है, एक युवक कल का नहीं, आज का नागरिक है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार प्रदेश में विकास की नई इबारत लिख रही है वही बंजार विधानसभा क्षेत्र मैं विकास की गंगा बह रही है उन्होंने कहा कि घाटी के अधिकतर गांवों को सड़कों से जोड़ दिया गया है साथ ही लोगों को उनके घर द्वार हर सुख सुविधा प्रदान की जा रही है। शौरी ने कहा कि युवा जहां देश का भविष्य है वही खेल जगत की अगर बात करें तो प्रदेश के युवाओं ने राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को साबित कर हिमाचल का नाम रोशन किया है। बता दें कि रविवार को ग्राम पंचायत कलेहली के 6 युवक मंडलों को स्पोर्ट्स किट व ट्रैक सूट भेंट करके प्रोत्साहित किया गया है। कलेहली के लोगों ने विधायक सुरेंद्र शोरी का जहां गर्म जोशी से स्वागत किया वहीं कुछ समस्याओं को भी उनके समक्ष रखा।
प्रेस क्लब जोगिंदरनगर का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पुरुषोत्तम शर्मा की अध्यक्षता में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से लोक निर्माण के विश्रामगृह जोगिंदरनगर में मिला तथा मुख्यमंत्री को प्रेस क्लब भवन के निर्माण में आ रही समस्या से अवगत करवाया। प्रेस क्लब जोगिंदरनगर के अध्यक्ष अश्वनी सूद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को बताया की प्रेस क्लब जोगिंदरनगर प्रेस क्लब भवन के निर्माण के लिए पिछले करीब 14 सालों से गुहार लगा रहा है लेकिन आजतक उनकी इस समस्या का कोई भी समाधान नहीं हो सका है। जबकि लोक संपर्क विभाग की जोगिन्दर नगर में करीब पांच बीघा जमीन खाली पड़ी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रेस की मांग को जायज देखते हुए प्रेस क्लब के भवन के निर्माण के लिए दस लाख रूपए देने की घोषणा की। प्रेस क्लब जोगिन्दर नगर के अध्यक्ष अश्वनी सूद, मुख्य सलाहकार रमेश बंटा, उपप्रधान अमिता बंटा, महा सचिव कैलाश, ओमप्रकाश चौहान, हरीश बहल,सुभाष ऐरी, राकेश संग्राय, विनोद शर्मा, अमित सूद, दीपक चौहान, राजेश शर्मा, जितेंदर ठाकुर, अमन सूद, महेंद्र भारद्वाज, वेद बंटा, आरुशी अवस्थी ने प्रेस क्लब जोगिन्दर नगर के भवन के निर्माण के लिए सहयोग राशी प्रदान करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लोकल कमेटी शिमला का सातवां सम्मेलन किसान मजदूर भवन शिमला में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन ने आगामी तीन वर्षों के लिए पन्द्रह सदस्यीय कमेटी का गठन किया। कॉमरेड बाबू राम को लोकल कमेटी का नया सचिव चुना गया। जगमोहन ठाकुर, सुरेंद्र तंवर, विजय कौशल, महेश वर्मा, बालक राम, किशोरी ढटवालिया, विनोद बिरसांटा, सुरेंद्र बिट्टू, सोनिया सबरवाल,अशोक वर्मा, अनिल ठाकुर, नेहा, विवेक राज व दलीप सिंह को कमेटी सदस्य चुना गया। सम्मेलन में लगभग सौ प्रतिनिधि मौजूद रहे। पार्टी राज्य सचिव डॉ ओंकार शाद ने सम्मेलन का समापन किया जबकि जिला सचिव संजय चौहान ने इसका उद्घाटन किया। राज्य कमेटी सदस्य विजेंद्र मेहरा, फालमा चौहान, जगत राम व बलबीर पराशर सम्मेलन में मौजूद रहे। रामपुर में 4-5 सितंबर को होने वाले जिला सम्मेलन के लिए नवनिर्वाचित पन्द्रह कमेटी सदस्यों के साथ ही रमाकांत मिश्रा, दिनित देंटा, राम सिंह, रामप्रकाश, हिमी देवी, पवन शर्मा, बंटी ठाकुर, हितेंद्र हैप्पी, कलावती, संजीव खजूरिया, रमन थारटा, पोविन्दर, जयदीप सिंह, हेमराज चौधरी व ओमप्रकाश को प्रतिनिधि चुना गया। नव निर्वाचित लोकल कमेटी सचिव बाबू राम ने कहा है कि आगामी तीन वर्षों में शिमला शहर में पार्टी का विस्तार किया जाएगा। जनता के मुद्दों पर जनांदोलन विकसित किया जाएगा। भविष्य में शहर में जनता, मजदूर वर्ग, कर्मचारियों, महिलाओं, छात्रों व युवाओं के मुद्दों पर उन्हें लामबंद किया जाएगा। उन्होंने पार्टी प्रतिनिधियों से केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की जयराम सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कमर कसने के आह्वान किया। उन्होंने किसान विरोधी तीन कृषि कानूनों, मजदूर विरोधी चार लेबर कोडों, बिजली विधेयक 20, 20, सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण के खिलाफ, शहर में कूड़े, पानी, चौबीस घण्टे बस सेवा, पार्किंग सुविधा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने, हर व्यक्ति को कोरोना काल में दस किलो राशन, प्रति व्यक्ति 7500 रुपये की आर्थिक सहायता, ओल्ड पेंशन स्कीम, आउटसोर्स के लिए नीति बनाने, आंगनबाड़ी, मिड डे मील व आशा कर्मियों की मांगों पर पार्टी कार्यकर्ताओं से आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस डीएवी काॅलेज कोटखाई में मनाया जाएगा। यह बात रविवार को उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने डीएवी काॅलेज कोटखाई परिसर का निरीक्षण करने के उपरांत कही। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए डीएवी काॅलेज के मैदान को चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम जिला लोक सम्पर्क विभाग के कलाकारों, स्थानीय वाद्य यंत्रों व स्थानीय कलाकारों द्वारा तैयार की गई प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पुलिस विभाग की महिला एवं पुरूष व होम गार्ड की टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट भी मुख्य आकर्षण रहेगा। उपायुक्त ने विकास भवन कोटखाई का निरीक्षण भी किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि विकास भवन का कार्य जल्द पूर्ण करें ताकि भवन को संबंधित विभाग को आबंटित किया जा सके। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी ठियोग सौरव जस्सल, डीएसपी ठियोग लखविन्द्र सिंह, तहसीलदार कोटखाई कैलाश कौंडल, नायब तहसीलदार मोहन लाल महंत, डीएवी काॅलेज कोटखाई के प्रधानचार्य आरके जिश्टु, एसडीओ लोक निर्माण विभाग रमेश राणा, नगर पंचायत सचिव अनिल अमरईक एवं अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जिला मण्डी के जोगिन्द्र नगर में स्वर्ण जयंती पंच परमेश्वर ग्राम स्वराज सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के पंचायती राज संस्थानों को सुदृढ़ करने के लिए संकल्पबद्ध हैं, क्योंकि ये लोकतंत्र की आधारभूत इकाई हैं और प्रदेश के समग्र विकास में इनका योगदान महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार पंचायती राज संस्थानों का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने पंचायती राज संस्थानों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को अधिक जिम्मेदारी और समर्पण भाव के साथ कार्य करने का आग्रह किया ताकि वे लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकें। उन्होंने पंचायती राज संस्थानों के प्रभावी कार्यान्वयन में महिलाओं की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने संस्थानों के निर्वाचित प्रतिनिधियों से प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान करने का भी आग्रह किया ताकि समाज के निम्न वर्ग को विकास के लाभ मिल सकें। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के पांच लाख से अधिक वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन प्रदान कर रही है। 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की सभी पात्र महिलाओं को बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के अन्तर्गत प्रदेश में 3.17 लाख निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं और हिमाचल प्रदेश देश का पहला धुआं मुक्त राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण अपने माता-पिता खोने वाले बच्चों को प्रतिमाह 3500 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कठोर प्रयास कर रही है और इस संक्रमण के नियंत्रण के लिए व्यावहारिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस महामारी से पूर्व प्रदेश में केवल एक ऑक्सीजन संयंत्र था, परन्तु आज प्रदेश में 12 ऑक्सीजन संयंत्र कार्यशील हैं और प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर 28 और ऑक्सीजन संयंत्र लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जोगिंदर नगर विधानसभा आदर्श विधानसभा बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने रविवार को जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र के चौंतड़ा में 110 करोड़ रुपये लागत की विकासात्मक परियाजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण किए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शित करता है कि पिछले साढ़े तीन सालों में विकास की गति को बढ़ावा मिला है। जोगिन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस महामारी के बावजूद प्रदेश सरकार राज्य का निर्बाध गति से विकास सुनिश्चित कर रही है, जिसके लिए उन्होंने शिमला से वर्चुअली राज्य के लगभग 42 विधानसभा क्षेत्रों में 4000 करोड़ रुपये लागत की विकासात्मक परियोजनओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि जोगिंदर नगर क्षेत्र में 160 करोड़ रुपये लागत की तीन जलापूर्ति और सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण किया जाएगा, जिनके पूरा होने से क्षेत्र की वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या का समाधान सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री ने चौतड़ा में कड़कनाथ ब्रीड की हैचरी, 15 लाख रुपये की लागत से फनाहिया गल्लु सड़क की मैटलिंग व टायरिंग, 15 लाख रुपये की लागत से खनागर सड़क, तीन नई पंचायतों के पंचायत भवन निर्माण के लिए प्रत्येक को 10 लाख रुपये, लडभड़ोल में अटल आदर्श विद्यालय खोलने, क्षेत्र के पशु अस्पताल भवन के लिए 50 लाख रुपये, पीपली ग्राम पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने, स्वास्थ्य उपकेन्द्र गोलवा को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने, पुलिस चौकी लड़भडोल को पुलिस थाना में स्तरोन्नत करने, मकरेड़ी में लोक निर्माण विभाग का उप मण्डल खोलने, सीआरएफ के अन्तर्गत कोटीपतन पुल के लिए 23 करोड़ रुपये, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चौंतड़ा को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा में बहुउद्देशीय स्टेडियम के निर्माण और कन्या विद्यालय जोगिंदर नगर में बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण और प्रेस क्लब भवन जोगिन्द्रनगर के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। जयराम ठाकुर ने जोगिंदर नगर में एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबन्धक कार्यालय का लोकार्पण किया और नए बस रूट जोगिंदर नगर से सीमास को झंडी दिखाई। उन्होंने नाबार्ड के अन्तर्गत 5.67 करोड़ रुपये लागत से निर्मित डोल रक्ताल चंगेड़ सड़क और पट्टा नाला पर पुल का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जोगिंदर नगर तहसील में 25.85 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ जलापूर्ति योजना नेरी चिमणु, लांगणा, उठाऊ जलापूर्ति योजना कराग फागला, जलापूर्ति योजना कथोण, पंजालग, पेयजल आपूर्ति योजना खुड्डी रास, डुग, टोडल, गदयाड़ा, खडीहार जलापूर्ति योजना व जलापूर्ति योजना चतुर्भुजा बसाही, तहसील जोगिंदर नगर की ग्राम पंचायत ब्यूंह और नोहली की बस्तियों के लिए 9.99 करोड़ रुपये लागत की उठाऊ जलापूर्ति योजना, ग्राम पंचायत टिकरी, मुशैहरा, भरयारा, चौंतड़ा और पडेन सैंथल में 6.52 करोड़ रुपये लागत की उठाऊ जलापूर्ति योजना और चौंतड़ा खण्ड में 7.19 करोड़ रुपये की सात सिंचाई योजनाओं के कल्स्टर का शिलान्यास किया। जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत 14.52 करोड़ रुपये लागत से धेलु से भतेहर सड़क के उन्नयन कार्य और 12.72 करोड़ रुपये लागत से नाबार्ड के अन्तर्गत बगोड़ा बगला हार्ड रोपड़ी मोरदुग चांदनी सड़क की मैटलिंग, टायरिंग कार्य एवं शेष कार्यों का भूमि पूजन किया। उन्होंने 22.82 करोड़ रुपये की लागत से सीआरएफ के अन्तर्गत धर्मपुर-संधोल सड़क वाया सियूंह-लंगाणा पर कोठीपतन में ब्यास नदी पर फुटपाथ सहित 160 मीटर डब्बल लेन स्पैन पुल और 4.74 करोड़ रुपये लागत के सपारू लांघा घड़वां सड़क के कार्य का शिलान्यास किया। ग्राामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेन्द्र कंवर कहा कि यह मुख्यमंत्री जय रामठाकुर के प्रयासों के फलस्वरूप ही पंचायती राज संस्थानों के प्रभावी संचालन के लिए पंचायती राज संस्थानों के नव-निर्वाचित सदस्यों को विभिन्न नियमों के बारे में प्रशिक्षित करने के लिए इस प्रकार के सम्मेलन सम्पूर्ण प्रदेश में आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थानों को 429 करोड़ रुपये सीधे तौर पर प्रदान किए गए हैं जिससे इन संस्थाओं का सशक्तिकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायतों के तहत केवल मनरेगा के अन्तर्गत 950 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न मुद्दों के अन्तर्गत प्रदेश में पंचायती राज संस्थानों द्वारा गत एक वर्ष में 2000 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। जोगिन्द्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि आज का दिन जोगिन्द्रनगर के लोगों के लिए ऐतिहासिक है क्योंकि आज मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए 110 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर राजनीति के बजाय विकास नीति पर विश्वास करते हैं और प्रदेश के सभी क्षेत्रों का संतुलित व समग्र विकास सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में आगामी वर्षों में प्रदेश नई बुलंदियों को हासिल करेगा। पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह ने जोगिंदर नगर में विकास की निर्बाध गति सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जोगिंदर नगर के लोगों के लिए करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाएं समर्पित की हैं। मण्डल भाजपा अध्यक्ष पंकज जम्वाल ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्यों का स्वागत किया। उन्होंने इस क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेताओं ने भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कार्यप्रणाली की प्रसंशा की है। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की विकासात्मक मांगें भी रखीं। निदेशक ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज ऋगवेद ठाकुर ने कहा कि इस पंचायत सम्मेलन को आयोजित करने का उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित करना है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है कि विकासात्मक परियोजनाओं के लाभ सबसे नीचले पायदान के व्यक्ति को मिले। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत को क्षेत्र के विकास के लिए उनके जिले में चल रहे पांच विकासात्मक कार्यों को क्रियान्वित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अन्तर्गत कई पहल की गई हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस योजना के तहत अधिकतम परियोजनाओं को लाया जा सके। जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर, बैजनाथ के विधायक मुल्ख राज प्रेमी, उपायुक्त मण्डी अरिंदम चौधरी और पुलिस अधीक्षक मण्डी शालिनी अग्निहोत्री भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
पार्टी कार्यकर्ता को केंद्र और प्रदेश सरकार के तमाम जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी होनी चाहिए। कार्यकर्ता पार्टी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविरों व अन्य बैठकों में उपलब्ध करवाई जा रही तमाम जानकारियों को संचित व स्मरण करके आगे आम जनमानस तक पहुंचाएं। रविवार को भोरंज मंडल भाजपा द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तमाम गतिविधियों को समाज की हर सरंचना तक निपुणता से सफल बनाने का काम पार्टी का कार्यकर्ता करता है। सटीक व संपूर्ण जानकारी कार्यकर्ता को ताकत प्रदान करती है। देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारें बेहतरीन कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग को हर क्षेत्र को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से उत्तम कार्य कर रही हैं। सराहनीय और ऐतिहासिक कार्य भाजपा सरकारों द्वारा किए जा रहे हैं। जिनकी जानकारी हर समय पार्टी कार्यकर्ता के पास होनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता को यदि अपना बूथ सबसे मजबूत करना है तो उसको अपने संगठन, अपनी पार्टी और पार्टी की सरकार से जुड़ी हर गतिविधि, हर उपलब्धि और हर योजना की जानकारी सदैव रखनी चाहिए। विपक्ष और विरोधी दलों के दुष्प्रचार से भ्रमित आम व्यक्ति यदि अपनी शंका के निवारण के लिए पार्टी कार्यकर्ता से कोई बात पूछे तो जानकारी के अभाव में कार्यकर्ता उस व्यक्ति की शंका का दूर ना कर पाए, ऐसा कदापि नहीं होना चाहिए। प्रोफेसर धूमल ने कहा कि देश में जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है, तब से निरंतर देश में हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास और उत्थान की जो गाथा लिखी जा रही है उसका साक्षी बनना स्वयं में एक बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बेहतरीन काम हो रहा है।
नन्द लाल शर्मा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एसजेवीएन ने अपने परियोजना दौरे के दौरान 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन और 412 मेगावाट रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन की प्रचालन कार्यकलापों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वह प्रचालन निष्पादन से पूर्ण रूप से संतुष्ट हैं और बताया कि एसजेवीएन ने जुलाई 2021 में अपनी समस्त उत्पादन इकाइयों, नवीकरणीय परियोजनाओं सहित 1580 मि.यू. का विद्युत उत्पादन कर रिकॉर्ड बनाया है, जोकि जुलाई 2020 के 1563 मि.यू. के रिकॉर्ड से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2021 में हिमाचल प्रदेश के 02 हाइड्रो पावर स्टेशनों, महाराष्ट्र और गुजरात के 02 पवन विद्युत स्टेशनों और 01 सौर विद्युत स्टेशन सहित पाँच विद्युत स्टेशनों की कुल 8700 मि.यू. डिजाइन ऊर्जा से अधिक 9224 मि.यू. विद्युत का उत्पादन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एनजेएचपीएस और आरएचपीएसविद्युत स्टेशनों के प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शर्मा ने कहा कि दोनों 'फ्लैगशिप पावर स्टेशनों' के प्रचालन और अनुरक्षण के अधिकारियों की संयुक्त टीम के प्रयासों ने कंपनी को विद्युत उत्पादन में नवीन लक्ष्य तराशने में सक्षम बनाया है। शर्मा ने कहा कि एसजेवीएन अपने सभी विद्युत स्टेशनों को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के उच्चतम स्तर की क्षमता के साथ प्रचलित करता है। माइक्रो प्लानिंग के साथ सिस्टम की व्यापक मोनिटरिंग ने एसजेवीएन के मेगा विद्युत स्टेशनों को नियमित डिजाइन ऊर्जा और उच्चतम मशीन उपलब्धता बढ़ाने में सक्षम बनाया है। दिनांक 02 अगस्त 2021 को एनजेएचपीएस ने 39.397 मि.यू. का सर्वोच्चएक-दिवसीय उत्पादन किया है और जुलाई 2021 में इस परियोजना ने 1216.565 मि.यू. का सर्वोच्च मासिक उत्पादन दर्ज किया है। इसी कड़ी में रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन ने भी जुलाई 2021 में 335.9057 मि.यू. का सर्वोच्च मासिक विद्युत उत्पादन किया है।
राजकीय उच्च पाठशाला कशलोग में "एक पेड़ मेरे स्कूल के नाम" के तहत स्कूल में फल, कुछ फूल व औषधीय पौधे ईको क्लब प्रभारी उर्मिला देवी, स्टॉफ सदस्य व दसवीं के बच्चों द्वारा रोपे गए। इस अवसर पर स्कूल की मुख्याध्यापिका रेखा राठौर ने बच्चों को पौधों की अहमियत बताते हुए उन्हें इन पौधों की देखभाल करने के दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को वृक्षों की महत्ता बताते हुए कहा कि वृक्ष पर्यावरण को दूषित होने से बचाने व स्वच्छ वायु प्रदान करने में मानव जाति की सहायता करते हैं अतः पेड़ों की सुरक्षा तथा संरक्षण की अधिक आवश्यकता है ताकि हम निरंतर दूषित हो रहे पर्यावरण को बचा सकें।
ग्राम पंचायत बेरल में प्रधान ललिता की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन योजना की पखवाड़ा मनाने को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। स्वछता बैठक में सभी वार्डों में कार्यक्रम करने के लिए प्लान बनाया गया। इसके तहत हर रोज, हर वार्ड में सफाई व कचरा इकट्ठा करने को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। इस अवसर पर वार्ड पंच सिहारली विकास कपिल ने सभी गांव में कचरा पात्र रखने, कचरा फैंकने की जगह चिन्हित करने की मांग की। इस दौरान बैठक में पंचायत प्रधान ललिता, पंचायत सचिव वंदना गुप्ता, वार्ड सदस्य विकास कपिल, वार्ड सदस्य इंद्रा, शंकुतला सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
नेहरू युवक मंडल मलावन द्वारा इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला के लिए सुरेश बंसल व हरिदास कौशल की अध्यक्षता में एक वहील चेयर, एक स्ट्रेचर दिया गया। अस्पताल अर्की के लिए भी एक व्हीलचेयर व स्ट्रेचर भेंट की। युवक मंडल के द्वारा गांव मलावन के लिए भी एक फोल्डिंग स्ट्रेचर उपलब्ध करवाया गया है, ताकि आपातकालीन स्थिति में वह लोगों के काम आ सके। इस मौके पर युवक मंडल के प्रधान हेम राज बंसल, उपप्रधान जितेंद्र कुमार, सचिव योगराज बंसल, मुख्य सलाहकार संतराम बंसल, हरीश बंसल, आदित्य बंसल, ललित कुमार, योगी बंसल और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
विवार को राजकीय आर्दश माध्यमिक पाठशाला करसोग में पाठशाला के प्रधानाचार्य किशोरी लाल की अध्यक्षता मे अभिवावको के साथ मिलकर स्कूल प्रबधंन कमेटी का गठन किया गया। जिसमें मनमोहन को अध्यक्ष चुना गया। इसमें दो सदस्य मनमोहन व भावना शर्मा के बीच मुकाबला हुआ। जिसमे भावना शर्मा को 68 व मनमोहन को 90 मत पड़े तथा मनमोहन को स्कूल प्रबधंन कमेटी का अध्यक्ष चुना गया। मनमोहन के अध्यक्ष बनने पर सभी अभिभावकों ने खुशी जताई। वही पाठशाला के प्रधानाचार्य किशोरी लाल ने अध्यक्ष मनमोहन व सभी अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पाठशाला में एक सही अध्यक्ष का होना एक महत्वपूर्ण बात है। यह पाठशाला के विकास में एक अहम कड़ी सावित होती है। इसमें सदस्य के रुप में सुनिता, झावेराम, सुमित्रा, ललित कुमार, संतोष, भागचंद, चेतराम, शान्तिं देवी, रूपलाल, सुभद्रा देवी, सुनिता, सुषमा देवी, कमल सिंह, रामदेव, मस्त राम, शुशील कुमार, शांता देवी व नारायण सिंह सदस्य चुने गए।
दूरदर्शन के महानिदेशक मयंक अग्रवाल ने गत सायं यहां सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के निदेशक हरबंस सिंह ब्रसकोन व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर दूरदर्शन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। मंयक अग्रवाल ने सरकार के कार्यक्रमों व योजनाओं के प्रभावी प्रचार व प्रसार के लिए दूरदर्शन व विभाग के अधिकारियों के मध्य समन्वय बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सोशल मीडिया में भी दूरदर्शन के कार्यक्रमों की लोकप्रियता बढ़ी है। यू-टयूब के माध्यम से भी दूरदर्शन के कार्यक्रम पूरे विश्व में देखे जाते हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्यों की विकास यात्रा में दूरदर्शन का बहुत महत्व रहा है। उन्होंने सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग और दूरदर्शन द्वारा आपसी सहयोग से विकासात्मक कार्यक्रम तैयार करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। हरबंस सिंह ब्रसकोन ने मंयक कुमार अग्रवाल को हिमाचली शाॅल व टोपी भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दूरदर्शन आरम्भ से ही सूचना सम्प्रेषण का प्राथमिक स्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकासात्मक सूचकांक पूरे देश में बेहतरीन हैं और हिमाचल बहुत से क्षेत्रों में आदर्श राज्य बन कर उभरा है। हरबंस सिंह ब्रसकोन ने महानिदेशक से प्रदेश की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी स्थान देने का अग्रह किया। उन्होंने प्रदेश के पर्यटन महत्व के अनछुए स्थलों, लोक कथाओं, धार्मिक स्थानों, समृद्ध संस्कृति व सरकार की विकासात्मक योजनाओं पर आधारित कार्यक्रमों का प्रसार और बढ़ाने का आग्रह किया। इस अवसर पर दूरदर्शन व सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
जिला मण्डी के जोगिन्द्रनगर के वार्ड-4 समलोट निवासी 12 वर्षीय अंशदीप व 17 वर्षीय सोफिया के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मद्दगार बनें। जोगिन्द्रनगर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री से मिलने आए बच्चों ने उन्हें बताया कि उनके माता-पिता का कोविड महामारी के कारण निधन हो चुका है। उन्होंने बताया कि माता-पिता ही उनके परिवार का सम्बल थे। वर्तमान में उनकी आय का कोई साधन नहीं है, जिस कारण उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उनकी दयनीय हालत देखकर भावुक हो गए और मौके पर ही बच्चों को आर्थिक सहायता स्वरूप एक-एक लाख रुपये स्वीकृत कर दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण माता-पिता खोने वाले बच्चों की सरकार हर प्रकार से सहायता सुनिश्चित कर रही है ताकि बच्चों के जीवनयापन और पढ़ाई में कोई बाधा न आए। दोनों बच्चों ने इस उदार आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज शिमला के उपनगर बालूगंज में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत एक करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किए जा रहे मार्केट कंपलेक्स का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों एवं परियोजना में कार्य कर रहे अधिकारियों को मार्केट कंपलेक्स का कार्य निर्धारित तय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हिमुडा के माध्यम से बालूगंज चौक पर निर्माणाधीन अग्निशमन केंद्र भवन का निरीक्षण भी किया और चल रहे कार्यों का जायजा भी लिया। उन्होंने हिमुडा के अधिकारियों को दो महीने के भीतर भवन के शेष बचे कार्य को पूर्ण करने के निर्देश भी दिए ताकि इस भवन को संचालित किया जा सके।
शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज वन विभाग एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के संयुक्त तत्वाधान में समरहिल के नजदीक चडविक-फॉल क्षेत्र में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत कर देवदार का पौधा रोपित किया। पौध रोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता ने की। उन्होंने तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने 100 से अधिक पौधे रोपित किए । इस अवसर पर सुरेश भारद्वाज ने चडविक फॉल में वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के सदस्यों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, आर्ट ऑफ लिविंग के प्रतिनिधियों, भगवत एनजीओ तथा महिला एवं युवक मंडलों की सामूहिक पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अंग्रेजों के समय से लेकर चडविक-फॉल पर्यटन स्थल के रूप में विश्व के मानचित्र पर स्थापित है इसलिए इस क्षेत्र में पौधरोपण करना इसके महत्व को और अधिक बढ़ा देता है क्योंकि इस पर्यटन स्थल में बहुत से पर्यटक आते हैं और यदि यह क्षेत्र हरा भरा व आकर्षक रहेगा तो पर्यटकों की आमद बढ़ेगी जिससे यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान ऑक्सीजन की कमी जैसे हालातों से निपटने के लिए भी हरित आवरण में वृद्धि करना आवश्यक है ताकि कृत्रिम ऑक्सीजन की आवश्यकता ना रहे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खाली जगह पर पेड़ पौधे रोपित करने के लिए अभियान चलाएं ताकि हिमाचल का हर क्षेत्र हरा भरा हो सके ताकि वैश्विक स्तर पर हो रहे ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को भी कम किया जा सके। इस अवसर पर उन्होंने 4 महिला मंडलों को 25- 25 हजार देने तथा 4 महिला मंडल भवनों को 3-3 लाख प्रति भवन देने, राजकीय उच्च पाठशाला सनहोग की चार दिवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने तथा स्कूल के दो कमरे निर्माण का आश्वासन व कडोग गांव को रास्ते के निर्माण के लिए एक लाख रूपए देने की घोषणा भी की।
मंजिले उन्हें ही मिलती है, जिनके सपनो में जान होती है। पँखो से कुछ नही होता हौंसलो से उड़ान होती है। ये पंक्तिया कुनिहार क्षेत्र के ऊंचा गावं की अलीशा पंवर पर सटीक बैठती है। बचपन से ही अभिनय के शौक के कारण आज अलीशा छोटे पर्दे पर कामयाबी की बुलंदिया छू रही है। छोटे पर्दे पर इश्क में मर जावां, थपकी प्यार की, जवांई राजा, बेगू सरायं, मेरी गुडिया जैसे धारावाहिकों से विख्यात होने वाली अलीशा पंवर इन दिनों धारावाहिक 'तेरी मेरी इक जिंदड़ी ' में निभा रहे किरदार को लेकर चर्चा में है। कुनिहार में मीडिया से विशेष बातचीत में अलीशा पंवर के पिता दिनेश पंवर ने बताया कि सोमवार से ज़ी टीवी पर रात को 8 बजे आने वाले इस धारावाहिक में अलीशा एक नए अवतार में नजर आएगी।उसका किरदार आत्मविश्वास व जनून से भरी एक पंजाबी लड़की का है। धारावाहिक में प्रेम कहानी कई अनूठे मोड़ो से गुजरती है। अवनीत का किरदार निभा रही अलीशा अपने इस नए धारावाहिक के चरित्र को लेकर काफी उत्साहित है, क्योंकि उनका इस धारावाहिक में किरदार उनके पहले के धारावाहिको से बहुत ही अलग है। कुनिहार क्षेत्र की इस होनहार बेटी के नए धारावाहिक के लिये प्रदेश सहित कुनिहार क्षेत्र सतीश मित्तल, राधा रमन शर्मा, पीयूष ठाकुर, सुमित मित्तल, हिमांशु , हरजिंदर, अनिल, सुरेश सहित ग्रामीणों ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुनिहार क्षेत्र की अलीशा पंवर ने छोटे पर्दे पर अभिनय से अपनी एक छाप छोड़ी है व देश मे कुनिहार व प्रदेश का नाम रोशन किया है।
शिमला ग्रमीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को संकट मोचन के बढ़ाई गांव में पौधरोपण किया । इस अवसर पर उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वह अपने अपने क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझते हुए अधिक से अधिक पेड़ पौधों को रोपते हुए जंगलों का सरंक्षण करें। उन्होंने कहा कि तेजी से हो रहें शहरीकरण की वजह से पेड़ कटते जा रहें है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनके पिता स्व.वीरभद्र सिंह लोगों व समाज की सेवा की जो विरासत उनके पास छोड़ गए है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आज उनके पिता उनके बीच नही है, पर उनके आदर्श और उनका आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ और हमारे ऊपर रहेगा। उनका उद्देश्य पिता वीरभद्र सिंह के सपनों को पूरा करना और लोगों के दुखदर्द दूर करने का है। इसके लिए वह दिन रात खड़े है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण चुनाव क्षेत्र उनका घर है। क्षेत्र के लोग उनका परिवार है। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, कांग्रेस सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, प्रदीप वर्मा, निर्मला ठाकुर, राम कृष्ण शांडिल, पंचायत प्रधान मनोज कुमार, जगदीश, तारावती,चंद्र कांता, निमावती, प्रवेश शर्मा, ललित शर्मा, महेंद्र कुमार, सुनील शर्मा, रामलाल, कोट के प्रधान महेता, रंजना रुहाल के अतिरिक्त कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखने के लिए आज यानि 8 अगस्त को समाजसेवी मनीष शारदा तथा उनकी टीम द्वारा गगरेट विधानसभा क्षेत्र के देवली, लोहारली,अंदोरा में फलदार पौधे रोपित किए गए। इस दौरान उन्होंने लोगों को पेड़ों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक भी किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने आसपास के जंगलों को आग लगने से बचाएं ताकि भविष्य में सभी को शुद्ध ऑक्सीजन प्राप्त हो सके। इस मौके पर समाजसेवी मनीष शारदा ने कहा कि यूं तो हम पौधरोपण पौधे लगाने जैसे शब्दों का समर्थन करते हैं, लेकिन एक कदम आगे आकर पौधरोपण करने की नहीं सोचते। अगर हम इतना भी सोचते कि प्रति व्यक्ति पांच-पांच पौधे लगाएं और उसके पेड़ बनने तक देखभाल करें तो ग्लोबल वार्मिंग का दंश झेल रहे भारत और पूरे विश्व में एक पूर्ण सुव्यस्थित पर्यावरणीय शुद्ध वातावरण व्याप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को इस पौधारोपण अभियान में भाग लेना चाहिए ताकि अधिक से अधिक पौधे रोपे जा सके। इस मौके पर उनके साथ नरेंद्र पिंटू, जीत, अवतार, बलवंत चौधरी, काला, दिनेश, सुनील, पम्मू, कृपाल, यशपाल सहित शिन्दू फौजी मौजूद रहे।
भाजपा शिमला ग्रामीण मंडल के ग्राम केन्द्र प्रशिक्षण वर्ग का समापन आज भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर शिमला में हुआ। बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष दिनेश ठाकुर ने की। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं जिला अध्यक्ष रवि मेहता विशेष रूप में उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जयराम ठाकुर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में विकास कार्यों के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने सभी 68 विधानसभाओं का अनेकों बार दौरा किया है, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केवल घोषणा नहीं करते परंतु उनको पूरा भी करते हैं। हमारा प्रदेश कोविड टीकाकरण में पूरे देश में प्रथम स्थान पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लगातार सभी चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया है, 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने जीत दर्ज की, उसके बाद 2017 में 44 सीटें जीतकर एक मजबूत सरकार बनाई, उसके उपरांत 2019 में रिकॉर्ड तोड़ मतों से चारों लोकसभा सीटों में भाजपा ने जीत दर्ज की, धर्मशाला एवं पच्छाद के उपचुनाव में भी भाजपा जीती और आने वाले सभी उपचुनाव में भाजपा की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि आने वाले 2022 के चुनावों में भाजपा एक बार फिर हिमाचल प्रदेश में एक सशक्त सरकार बनाएगी। 2022 में शिमला ग्रामीण में भी भाजपा कमल का फूल खिलाएगी।
हिमाचल प्रदेश के शिमला के गाला वैरायटी के सेब ने न्यूजीलैंड से आयातित गाला सेब को रेट में मामले में पछाड़ दिया है। शनिवार को जयपुर की टर्मिनल मार्केट मुहाना में शिमला के मड़ावग का गाला वैरायटी का सेब 187 से 212 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड रेट पर बिका। जबकि न्यूजीलैंड गाला को 200 रुपये प्रति किलो ही रेट मिले। शिमला के मड़ावग घडीन के युवा बागवान अरुण रचाईक ने 65 हाफ बॉक्स जयपुर भेजे थे, जिन्हें 2800 रुपये प्रति बॉक्स दाम मिले हैं। झूड़ामल ट्रेडर्स बी-27, टर्मिनल मार्केट मुहाना, सांगानेर के संचालक सन्नी चेलानी ने बताया कि शिमला के गाला को न्यूजीलैंड गाला से ज्यादा रेट मिल रहा है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में मणिकर्ण के ब्रम्हगंगा नाले में बादल फटने से लापता ब्रम्हगंगा निवासी 25 वर्षीय पूनम का पंडोह डैम में 11 दिन बाद शव बरामद हुआ है। शव की पहचान उसके परिजनों ने की है। परिजन पिछले 11 दिनों से पार्वती नदी किनारे लापता पूनम और उसके चार साल के बेटे की तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह जब पंडोह डैम में शव को पानी में तैरते हुए देखा गया तो इसकी सूचना को दी गई। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला और विभिन्न थानों को शव मिलने की सूचना दी। पूनम के परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने शव की शिनाख्त की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि पूनम के चार वर्षीय बेटे निकुंज सहित कुल तीन लोगों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि मणिकर्ण के बादल फटने से लापता एक शव मिला है। लापता लोगों की तलाश जारी है।
हिमाचल सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में पदक विजेताओं को दिया तोहफा, निगम के होटलों में निशुल्क रहने का ऑफर
हिमाचल प्रदेश सरकार ने टोक्यो ओलंपिक पदक विजेताओं को एक बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घोषणा की है कि प्रदेश के किसी भी पर्यटन विकास निगम के होटल में टोक्यो ओलंपिक पदक विजेताओं को तीन दिन निशुल्क रहने का ऑफर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को ओलिंपिक विजेताओं का अभिनन्दन करने में प्रसन्नता होगी। ओलंपिक पदक विजेता प्रदेश में कहीं भी एचपीटीडीसी के किसी भी होटल में तीन दिन निशुल्क ठहर सकते हैं। यहां की संस्कृति और सुहावने मौसम का आनंद ले सकते हैं। सीएम ने ओलंपिक पदक विजेताओं को बधाई भी दी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक लाने वाली हॉकी टीम के सदस्य खिलाड़ी मूलरूप से चंबा जिले के डलहौजी के रहने वाले वरुण कुमार को हिमाचल प्रदेश सरकार एक करोड़ रुपये नकद इनाम और डीएसपी के पद पर नौकरी देगी। सीएम ने कहा कि हमें प्रसन्नता है कि हॉकी टीम ने ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
हिमाचल प्रदेश के बहुचर्चित थप्पड़ कांड के बाद से निलंबित चल रहे एसपी गौरव सिंह और पीएसओ बलवंत सिंह को सरकार ने बहाल कर दिया है। गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय ने बहाली के अलग-अलग आदेश जारी कर दिए हैं। तैनाती होने तक दोनों का मुख्यालय शिमला निर्धारित किया गया है। गौरव को चार्जशीट कर जवाब मांगा गया है। जवाब के आधार पर ही उन्हें सजा देने या न देने का फैसला लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 23 जून को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कुल्लू दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के सामने एसपी कुल्लू रहे गौरव सिंह, एडिशनल एसपी सीएम सुरक्षा बृजेश सूद और मुख्यमंत्री के पीएसओ बलवंत सिंह भिड़ गए थे। एसपी गौरव ने बृजेश को थप्पड़ मार दिया और बलवंत ने एसपी को लातें मारी थीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया के जरिये देश दुनिया में वायरल हो गया था। प्रारंभिक जांच के बाद 25 जून को गौरव और बलवंत को निलंबित कर दिया गया था। बाद में आईजी मंडी रेंज ने विस्तृत जांच कर पुलिस मुख्यालय के जरिये सरकार को रिपोर्ट भेजी। तब से गौरव सेंट्रल रेंज मंडी से अटैच थे जबकि बलवंत सिंह को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया था। बृजेश सूद को जांच में दोषी न पाए जाने पर सरकार ने बहाल कर फिर से सीएम सुरक्षा में लगा दिया था।
ज़िला लाहौल स्पीति में सड़क हादसों का एक बड़ा कारण तेज रफ्तार व तेज गति से वाहन चलाना है। जिला में मनाली-लेह हाईवे पर तेज रफ्तार और तेज गति से वाहन चलाने के कारण वाहन विशेषकर ट्रकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की कई घटनाएं देखी गई हैं। रैश ड्राइविंग और ओवर स्पीडिंग पर नजर रखने के लिए तादीं के पास लाहौल स्पीति पुलिस ने डॉपलर रडार के साथ नाका लगा दिया है। नाके के दौरान वाहनों की गति पर पुलिस आधुनिक उपकरणों से नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लाहौल में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
जिला पुलिस कुल्लू नशा तस्करों को बक्शने के मूड में बिलकुल नहीं है। नशा तस्करों को पकड़ने में कुल्लू पुलिस को लगातार सफलता मिल रही हैं। बाहरी राज्यों से चिट्टे की खेप लेकर जिला में पहुंच रहे तस्करों को जहां लगातार कुल्लू पुलिस दबोच रही है, वहीं पिछले 3 दिनों में कुल्लू पुलिस ने विभिन्न मामलों में 8 लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त सूचना के अनुसार विशेष अन्वेषण शाखा की एक टीम ने सदर थाना के अंतर्गत बस स्टैंड कुल्लू के नजदीक सरवरी में मुखबिर से सूचना मिलने पर एक युवक से 70 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बताया जा रहा है कि विशेष अन्वेषण शाखा की एक टीम सुबह के समय सदर थाना के क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि सरवरी में एक व्यक्ति ऑटो में सवार होकर आ रहा है। जिसके पास भारी मात्रा में चिट्टा है। लिहाजा पुलिस की टीम ने सूचना के अधार पर तुरंत ऑटो में सवार युवक को रोका और उसकी व उसके सामान की तलाशी ली। पुलिस को युवक के बैग से 70 ग्राम हेरोइन की एक बडी खेप मिली है। एसपी कुल्लू गुर देव शर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि यह खेप सरवरी के ही एक स्मग्लर तक ले जाई जा रही थी। जिसका पता किया जा रहा है जो इलाका छोड़ कर भाग गया है। हेरोइन लाने वाले रोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान प्रबल शर्मा पुत्र मस्त राम शर्मा निवासी 131 आचार्य निवास, सुल्तानपुर, कुल्लू, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है।
विश्व प्रसिद्ध अटल टनल रोहतांग के बाद अब एक और कीर्तिमान सीमा सड़क संगठन रचेगा। दुनिया की सबसे ऊंची सुरंग 15 हजार फुट की ऊंचाई में अब श्रृंकुला दर्रे में बनेगी। जो सवा चार किलोमीटर लंबी होगी तथा इसके बन जाने से मनाली से लेह की दूरी 104 किलोमीटर घटेगी, वहीं दर्रे का सफर डेढ घण्टे कम होगा। यह जानकारी बीआरओ के अटल टनल रोहतांग के मुख्य अभियंता इंजीनियर वीके सिंह ने दी है। उन्होंने कहा है कि यह सुरंग तीन वर्षों में बन कर तैयार होगी। उन्होंने बताया कि अटल टनल का मुख्यालय धुंधी में है। वह अब लाहुल के जिस्पा में बीआरओ के 70 आरसीसी के डेट के बगल में ही खुलेगा, जिसके लिए जगह चिन्हित हो गई है। कुछ ही दिनों में धुंधी की भांति अस्थाई शेड बनने का कार्य शुरू होगा और अक्तूबर माह तक कार्यलय जिस्पा शिफ्ट हो जाएगा।उन्होंने आगे बताया कि बरालचला 14 किलोमीटर, तंगलंगला 8 किलोमीटर तथा लाचुंगला 12 किलोमीटर सुरंगों का डीपीआर भी प्रगति पर है जिसे बीआरओ के इसी परियोजना की देखरेख में बनाया जाएगा। मुख्य अभियंता ने कहा कि सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण इन सुरंगों के बन जाने से जहां राष्ट्र की सरहदों में सेना की सहूलियतें बहुत बढ़ेगी, वहीं लाहौल, जांस्कर तथा लेह-लदाख की सुंदरता का दीदार भी लोग करेंगे।
बीती रात शिमला के चौपाल में नेरवा थाना से लगभग 10 किलोमीटर दुर शामठा के पास एक सड़क हादसा पेश आया है। शामठा टिक्करी सड़क पर एक मारूति कार UK 07D 8436 दुर्घटना ग्रस्त हो गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार यह हादसा रात के समय हुआ है। गाड़ी के दुर्घटना होने की जानकारी आज सुबह समय 8:30 से 9:00 बजे मिली, जब एक व्यक्ति गाड़ी लेकर शामठ सड़क से गुजर रहा था। व्यक्ति ने दुर्घटना की सुचना तुरंत पुलिस को दी। जानकारी अनुसार इस गाड़ी में एक व्यक्ति सवार था। जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई है। मृतक की पहचान निकाराम पुत्र स्व देवू गांव पालैंअ तहसील नेरवा जिला शिमला के रूप में की गई है।मृतक की उम्र 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोलन में हॉकी क्लब द्वारा भारतीय पुरुष हॉकी टीम द्वारा ब्रॉन्ज़ मैडल जीतने व ओलिंपिक में महिला हॉकी टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना की गई। इस दौरान जनरल सेकेट्री शीला, वाईस प्रेसिडेंट पंकज गुप्ता, कमलेश, मंजू, पूजा, कृष्णा वर्मा, कोच अनिता, प्रवीण, खालिद और लगभग 60 लोग मौजूद रहे। इसी के साथ हॉकी क्लब के दो दिवसीय इनहाउस टूर्नामेंट का शुभारम्भ किया गया। जिसमें लड़कों व लड़कियों के अलग अलग मैच करवये जा रहे है। इस प्रतियोगिता में जीतने वाले बच्चों का चयन 27 से 29 अगस्त तक आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा। 27 अगस्त को सोलन हॉकी क्लब रेजिंग डे के रूप में मनाता है। पहले 27 अगस्त को इनहाउस टूर्नामेंट करवाया जाता था लेकिन इस बार जिला स्तरीय टूर्नामेंट करवाए जाएंगे। वंही, 29 अगस्त को मेजर ध्यान चंद के जन्म दिवस के दिन टूर्नामेंट का समापन किया जाएगा। हॉकी क्लब के प्रेजिडेंट एसएस जगोता ने कहा कि हॉकी भारत के प्राचीन ज्ञात खेलों में से एक है हालाँकि इसकी जड़ें अब योग्य हॉकी खिलाडियों और आवश्यक सुविधाओं की कमी की वजह से कमजोर हो गई हैं। हॉकी खेल के अस्तित्व को प्राचीन ओलंपिक खेलों से पहले 1200 साल पुराना खेल माना जाता है। लेकिन ऐसा नहीं है कि खिलाड़ियों में हॉकी के प्रति कम रुचि है।
कोलकाता में 4 जुलाई से 11 जुलाई तक आयोजित ऑन लाइन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में जिला शिमला की ग्राम पंचायत चनावग में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनावग की चार छात्राओं रुचिका शर्मा, मोना शर्मा, नम्रता हरनोट और दिशा शर्मा ने ब्राउन बेल्ट हासिल करने के साथ रुचिका ने गोल्ड जबकि मोना और नम्रता ने सिल्वर मैडल जीत कर हिमाचल व अपने स्कूल के साथ ग्राम पंचायत का नाम भी रोशन किया है। यह सभी छात्राएं प्लस-टू की कक्षा की विद्यार्थी है। ट्रेडिशनल कराटे ओकिनावा कोविडो इंडो क्योकाई की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में 24 देशों के 600 प्रतिभागियों ने आनलाइन भाग लिया था। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार ने बताया कि आनलाइन प्रतियोगिता में उनके विद्यालय के बच्चों ने पीईटी चरणदास की अध्यक्षता में भाग लिया। स्कूल के 38 विद्यार्थियों ने कराटे का अभ्यास चरणदास पीइटी, जो खुद कराटे में ब्लैक बेल्ट हैं, से वर्ष 2019 से लेना प्रारंभ किया है। दिसंबर 2019 में सभी विद्यार्थियों ने यलो बेल्ट प्राप्त कर ली है। मोना शर्मा ने इस बार जमा दो कक्षा में 500 में से 484 अंक प्राप्त हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान और रुचिका शर्मा ने 500 में से 464 अंक प्राप्त किए हैं। ग्रामीण विकास सभा चनावग ने चारों छात्राओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। सभा के मुख्य सलाहकार एसआर हरनोट ने कहा कि यह सम्मान चनावग में होने वाले साहित्य उत्सव में प्रदान किया जाएगा। उन्होंने रुचिका के पिता ओम प्रकाश गांव घाटरु, मोना शर्मा के पिता मेहर चंद गांव सीतकीजायण, नम्रता के पिता पूर्णचंद गांव चनावग और दिशा के पिता हेमराज को शुभकामना दी है।
आशीष शर्मा, कुल्लू केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सामने ही हाल ही में कुल्लू में घटे थप्पड़ कांड में जहां पुलिस की जमकर पूरे देश में किरकिरी हुई थी वही अब इस मामले में सरकार ने निलंबित चल रहे एसपी गौरव सिंह और पीएसओ बल वंत सिंह को बहाल कर दिया है। गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय ने बहाली के अलग-अलग आदेश जारी कर दिए हैं। तैनाती होने तक दोनों का मुख्यालय शिमला निर्धारित किया गया है।गौरव को चार्जशीट कर जवाब मांगा गया है। जवाब के आधार पर ही उन्हें सजा देने या न देने का फैसला लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 23 जून को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कुल्लू दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के सामने एसपी कुल्लू रहे गौरव सिंह, एडिशनल एसपी सीएम सुरक्षा बृजेश सूद और मुख्यमंत्री के पीएसओ बलवंत सिंह भिड़ गए थे। एसपी गौरव ने बृजेश को थप्पड़ मार दिया और बलवंत ने एसपी को लातें मारी थीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया के जरिये देश दुनिया में वायरल हो गया था। प्रारंभिक जांच के बाद 25 जून को गौरव और बलवंत को निलंबित कर दिया गया था। बाद में आईजी मंडी रेंज ने विस्तृत जांच कर पुलिस मुख्यालय के जरिये सरकार को रिपोर्ट भेजी। तब से गौरव सेंट्रल रेंज मंडी से अटैच थे जबकि बलवंत सिंह को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया था। बृजेश सूद को जांच में दोषी न पाए जाने पर सरकार ने बहाल कर फिर से सीएम सुरक्षा में लगा दिया था।
शिमला :भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में नीरज चोपड़ा की अभूतपूर्व जीत के लिए बधाई दी , उन्होंने कहा की आपके भाले ने सभी बाधाओं को तोड़ते हुए इतिहास रचा है। उन्होंने कहा नीरज चोपड़ा पहले एथलिट है जिन्होंने ओलंपिक में भारत को पहली बार ट्रैक और फील्ड पदक दिलाया हैं। आपकी जीत देश के युवाओं को प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा ये भाला सीधा गोल्ड पर लगा है, पहला गोल्ड। उन्होंने कहा चोपड़ा ने 87.58 मीटर के थ्रो के साथ पुरुषों की भाला फेंक स्कोरबोर्ड में शीर्ष स्थान हासिल किया। लगभग 100 वर्षों के बाद भारत के लिए एथलेटिक्स में यह पहला स्वर्ण पदक है। उन्होंने गर्वित पल के अवसर पर सभी देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर, राकेश जम्वाल, संजीव कटवाल, रणधीर शर्मा एवं समस्त पदाधिकारीगण ने नीरज चोपड़ा को इस ऐतिहासिक पल पर शुभकामनाएं दी।
हमीरपुर : "जीवन में मानवीय मूल्यों का उत्थान करना" शिक्षा प्रदान करने का एक विशिष्ट पहलू होता है। इस विशिष्ट पहलू को सही मायनों में यथार्थ में परिवर्तित करने का काम करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी ने समाजिक उत्थान करके किया है जिसके लिए इस शिक्षण संस्थान के प्रबंधन सहित सारी टीम बधाई की पात्र है। शनिवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने भोरंज की करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी के दसवें स्थापना दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में अपने संबोधन में यह बात कही है। उन्होंने कहा है कि बढ़िया शिक्षण संस्थान होने के साथ-साथ करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी ने इस क्षेत्र के आसपास के कई गाँवों के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने में बहुत अच्छी भूमिका निभाई है। पारंपरिक आजीविका के साधनों को अपनाने के लिए स्थानीय लोगों को विभिन्न क्षेत्रों जैसे कि हस्तशिल्प कलाकृतियां, मिट्टी के बर्तन, बांस की कलाकृतियां, दालों का उत्पादन, आचार व मुरब्बों का उत्पादन, फलों का उत्पादन, पारंपरिक पत्तलों का उत्पादन इत्यादि में स्थानीय लोगों को ना केवल प्रेरित किया बल्कि साधन भी उपलब्ध करवाए ताकि वह इस क्षेत्र में आगे बढ़ सके। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कृषि एवं हस्तशिल्प क्षेत्र में बढ़िया कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया और संस्थान व स्थानीय स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाई गई हस्तशिल्प व अन्य स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और उनकी सराहना की। भोरंज की विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार की डिप्टी चीफ व्हिप कमलेश कुमारी भी इस मौके पर उपस्थित रहीं।
दाड़लाघाट : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट में प्रधानाचार्य विनोद कुमार शर्मा की अध्यक्षता मे एसएमसी की नव कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। इस आमसभा में लगभग 100 अभिभावकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। सर्वप्रथम प्रधानाचार्य विनोद शर्मा ने गत वर्ष किए गए कार्य व विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। वही दसवीं कक्षा और बारहवीं कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का ब्यौरा समस्त अभिभावकों के सामने रखा। उसके उपरांत समस्त अभिभावकों ने सर्वसम्मति से सुरेंद्र ठाकुर को एसएमसी का अध्यक्ष चुना तथा धर्मपाल शर्मा को मुख्य सलाहकार व राजेन्द्र, रूप चन्द ठाकुर पूर्व एसएमसी प्रधान को सलाहकार के पद का चयन किया गया।जबकि गीता, पार्वती देवी, चंचला, कमलेश, पिंकी देवी, इंदिरा देवी,कौशल्या, कुसुमलता, सीमा, लता, देवीचंद, गीता देवी, राजेंद्र, नरेंद्र, सन्त राम को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया। प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए समस्त अभिभावकों से विद्यालय को सहयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रधानाचार्य प्रकाश शर्मा, जोगिंदर कुमार, प्रवक्ता विनोद कुमार, महेंद्र गौतम, देशराज गिल, उमा, महेश्वर सहित समस्त अध्यापक उपस्थित रहे।
दाड़लाघाट :राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवगांव में विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया। यह चुनाव विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मपाल शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए। बैठक में उपस्थित अभिभावकों ने सर्वसम्मति से सुमन गौतम को विद्यालय प्रबंधन समिति का प्रधान चुना। अपने संबोधन में नवनिर्वाचित प्रधान सुमन गौतम ने कहा कि वे विद्यालय और बच्चों के सर्वांगीण विकास में सदैव तत्पर रहेगी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मपाल शुक्ला, ग्राम पंचायत नवगांव के उपप्रधान चुनी लाल गौतम व समस्त स्टाफ व लगभग 65 अभिभावक उपस्थित रहे।
दाड़लाघाट :राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन में 'एक पेड़ मेरे स्कूल के नाम' अभियान का शुभारंभ प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में किया गया। इसके अंतर्गत सबसे पहले विद्यालय परिसर में मुख्यातिथि महान प्रकृति प्रेमी डॉ राकेश शर्मा ने एक पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके उपरान्त विद्यालय की एनएसएस इकाई, ईको क्लब और एनसीसी के छात्रों ने विद्यालय के नजदीक गांव घरटूरी में औषधीय पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य प्रकाश बट्टू, वरिष्ठ प्रवक्ता नरेंद्र कपिल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनीता कौडल, एनसीसी अधिकारी सुमन, ईको क्लब प्रभारी डॉ अनीता देवी, प्रवक्ता नरेंदर व राकेश रघुवंशी ने छात्रों के साथ मिलकर 'एक पेड़ मेरे स्कूल के नाम' अभियान को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करते हुए पौधारोपण किया। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन के प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने इस उपलक्ष्य पर बच्चों को प्रकृति के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ने बच्चों को रोपित पौधों की समय समय पर देखभाल करने की जिम्मेदारी भी सौंपी।
सोलन : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने आज अपने दून विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुठाड़ का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर विद्यालय में उपस्थित अध्यापकों से बच्चों की ऑनलाइन तथा ऑफलाइन शिक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोविड-19 नियमों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 का ख़तरा अभी टला नहीं है और यह आवश्यक है कि सभी उचित प्रकार से मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिंग नियम का पालन करें तथा बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहलयुक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहें। उन्होंने कहा कि सभी समय पर अपना टीकाकरण अवश्य करवाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने तदोपरान्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुठाड़ का भी निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य केन्द्र में विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित बनाने एवं रोगियों की देखभाल के लिए अन्य व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश कुमार, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, बीडीसी सदस्य शिवानी, उपमण्डलाधिकारी कसौली डाॅ. संजीव धीमान तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल इस अवसर पर उपस्थित रहे।
देहरा: एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर ने नगर परिषद देहरा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मनोनीत पार्षदों को शपथ दिलाई और अपनी शुभकामनाए देते हुए उनसे पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर नगर के नियोजित विकास में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन विकास कार्यों में उन्हें पूर्ण सहयोग करेगी ताकि देहरा प्रदेश के आदर्श नगर परिषद के रूप में विकसित हो सके। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने वार्ड न. 7 के सुरेंद्र ठाकुर, वार्ड न. 5 के रविंद्र कुमार, वार्ड न. 3 के सत्यपाल कौंडल तथा वार्ड न. 4 के नरेश सूद को नगर परिषद के लिए मनोनीत पार्षद नियुक्त किया है। जिनमें से वार्ड न. 3 के सत्यपाल कौंडल और वार्ड न. 4 के नरेश सूद ने आज मनोनीत पार्षद के रूप में शपथ ली। इस अवसर पर कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद देहरा हितेश कुमार, कनिष्ट अभियंता नगर परिषद राजेश कुमार, पार्षद वार्ड न. 6 सुनीता कुमारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदोपती ठाकुर ने प्रैस नोट जारि करते हुए कहा कि पिछले कल दिल्ली में राहुल गांधी ने हिमाचल युवा कांग्रेस के उन पदाधिकारियो को सम्मानित किया जिन्होंने कोरोना काल में बेहतरीन कार्य किया। राहुल गांधी, कृष्णा अल्लावरू, श्रीनिवास बी वी ने हिमाचल के सभी युवा कांग्रेस के साथियों को बधाई दी। उनके कोरोना काल में किए गए कार्यों के लिए उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना काल में जब सड़क पर कोई नही था, तब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओ ने जिम्मेदारी लेते हुए लोगों की मदद की है। यदोपती ठाकुर ने कहा कि जब कोरोना की लहर चरम सीमा पर थी तब उन्होंने खुद अपने विधानसभा क्षेत्र सरकाघाट की सभी पंचायतो में राशन, मास्क सेनेटाईजर आदि जरूरतमंद सामाग्री वितरित की है। यदोपती ठाकुर ने कहा कि जब कोरोना महामारी की दूसरी लहर अपने चरम पर थी, हर कोई अपने घरों में कैद था। ऐसे में हिमाचल युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आगे आकर लोगों की मदद की है। बहुत से लोग अपना रोज़गार खो चुके थे तो युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उस समय गरीब तथा जरूरतमंद लोगों को राशन सामाग्री इत्यादि वितरित किया। कोरोना से हुई मौत से मृत व्यक्ति का दाह संस्कार करने के लिए कोई आगे नहीं आ रहा था, तब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओ ने इस कार्य को अन्जाम दिया था। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उस समय सड़कों पर लोगों की मदद के लिये नजर आ रहे थे जिस समय सड़कों पर कोई नहीं दिखता था। इस अवसर पर कोरोना महामारी में जिन लोगों की मृत्यु हुई उन सब के लिए सभी लोगों ने दो मिनट मौन रख कर उन सभी को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मण्डी जिला के सिराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बालीचैकी में उप-मण्डल अधिकारी कार्यालय और थाची में उप-तहसील खोलने की घोषणा की है। थाची में 14.50 करोड़ रुपये लागत की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के उपरान्त एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से थाची को ईको पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए थाची में 33 केवी का उप-केंद्र स्थापित करने और बालीचौकी में बागवानी विकास कार्यालय तथा एसएमएस कृषि कार्यालय खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शिल्ली लारजी और दमसेड़ में प्राथमिक पाठशाला खोलने, राजकीय उच्च पाठशाला मणी, बग्गी, भनवास और सेरी बटवारा को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के रूप में स्तरोन्नत करने, राजकीय माध्यमिक पाठशाला शालाघाट को राजकीय उच्च विद्यालय और राजकीय प्राथमिक पाठशाला कऊ को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने दिदल में पशु औषधालय खोलने की घोषणा भी की। जय राम ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाची में 2.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विज्ञान प्रयोगशाला भवन, थाची में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह और तहसील बालीचैकी की ग्राम पंचायत थाची, पंजैण, मणी, सोमगड़ गांवों के लिए 3.98 करोड़ रुपये की लागत की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना डडवास का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले स्वास्थ्य उप-केन्द्र मुरह, 53 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले स्वास्थ्य उप-केन्द्र देवधार, 4.51 करोड़ रुपये की लागत से हिमाचल प्रदेश बागवानी विकास परियोजना के अन्तर्गत देवधार, सिराज, थाटा, मणी, तलीचा, भेखली, बसुंघी, सरली और डोभा में सिंचाई अधोसंरचना निर्माण और 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय रेशम उत्पादन केन्द्र मुरह के शिलान्यास किए। जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 1998 में चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने इस क्षेत्र का पैदल दौरा किया था क्योंकि उस समय यहां सड़क सुविधा नहीं थी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से वायदा किया था कि 2003 तक सड़क सम्पर्क सुविधा सुनिश्चित की जाएगी और लोगों के सक्रिय सहयोग से इस क्षेत्र को सड़क सुविधा से जोड़ दिया गया है। इसका श्रेय सिराज विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जाता है जिन्होंने पिछले लगभग 24 वर्षों से बिना शर्त उन्हें सहयोग देकर विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सड़कें पहाड़ी क्षेत्रों के विकास की जीवन रेखा होती हैं और आज न केवल थाची बल्कि प्रदेश के सभी दुर्गम क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि थाची में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का निर्माण क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि 3.98 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पेयजल आपूर्ति योजना से क्षेत्र की लगभग पांच पंचायतों के हजारों लोगों को पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी। पिछले 15 वर्षों में प्रदेश में एक भी पंचायत का गठन नहीं किया गया जबकि वर्तमान प्रदेश सरकार ने 412 नई पंचायतों का गठन किया है जिससे इन पंचायतों मेें विकास को और अधिक गति मिलेगी। जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड महामारी अभी समाप्त नहीं हुई है इसलिए लोगों को कोविड उपयुक्त व्यवहार अपनाने की आवश्यकता है। इस महामारी ने राज्य के विकास को प्रभावित किया है लेकिन राज्य सरकार ने सुनिश्चित किया है कि प्रदेश के विकास की गति निर्बाध रूप से सुचारू रहे। उन्होंने कहा कि थाची में राजकीय महाविद्यालय के निर्माण में वन स्वीकृतियों के कारण विलम्ब हुआ है लेकिन स्वीकृतियां प्राप्त होते ही महाविद्यालय का भवन का निर्माण शीघ्र किया जाएगा ताकि क्षेत्र के युवाओं को उनके घर-द्वार के निकट उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर जिला परिषद् अध्यक्ष पाल वर्मा, कुल्लू भाजपा जिलाध्यक्ष भीम सेन, उपायुक्त मण्डी अरिन्दम चैधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री अन्यों सहित उपस्थित रहे।
शिमला : सीटू राज्य कमेटी हिमाचल प्रदेश ने शिमला के कनलोग में झारखंड के गुमला जिला के प्रवासी मजदूर की पांच वर्षीय बच्ची प्रियंका को तेंदुए द्वारा जान से मारने के घटनाक्रम पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीटू ने प्रदेश सरकार व प्रशासन से मांग की है कि प्रियंका के परिवार को कम से कम पच्चीस लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा व महासचिव प्रेम गौतम ने इस घटनाक्रम के लिए प्रदेश सरकार, वन विभाग, श्रम विभाग व प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार, श्रम विभाग व प्रशासन को अंतर्राज्यीय प्रवासी मजदूर अधिनियम 1979 के अनुसार प्रवासी मजदूरों की अच्छी व सुरक्षित रिहाईश, बिजली का उचित प्रबंध करने, उनके छोटे बच्चों के लिए क्रेच, सामान्य मजदूरों की अपेक्षा उन्हें पचास प्रतिशत अधिक वेतन देने, महिला मजदूरों को पुरुष मजदूरों के समकक्ष वेतन देने व उनकी कामकाजी परिस्थितियों को बेहतर करने की व्यवस्था करना आवश्यक है। परन्तु ये सभी व्यवस्थाएं व कानूनी अधिकार केवल किताबों तक सीमित रह गए व लागू नहीं हुए। सरकार व प्रशासन की इसी लापरवाही व गैर कानूनी रवैये के कारण ही पांच वर्षीय प्रियंका को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। यह मौत नहीं है बल्कि सरकार व प्रशासन के गैर जिम्मेवाराना व्यवहार के कारण हुई हत्या है। अगर सरकार, श्रम विभाग, वन विभाग व प्रशासन ने अंतर्राज्यीय प्रवासी मजदूर अधिनियम 1979 को सख्ती से लागू किया होता तो जिस ढारे में प्रियंका रहती थी, उसकी जगह बेहतर आवासीय सुविधा होती, वहां पर बिजली का उचित प्रबंध होता व यह रिहाईश बेहतर जगह पर होती व यह हादसा नहीं होता। यह सब सरकार के प्रवासी मजदूरों के प्रति संवेदनहीन व्यवहार के कारण हुआ है। शिमला शहर व इसके इर्द-गिर्द लगभग पच्चीस हजार प्रवासी मजदूर कार्यरत हैं परन्तु श्रम विभाग के पास यह आंकड़ा केवल पांच सौ है। शिमला शहर के ज़्यादातर मजदूरों का श्रमिक कल्याण बोर्ड में पंजीकरण तक नहीं हो रहा है व उन्हें इसके अंतर्गत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इसी से सरकार का प्रवासी मजदूरों के प्रति नज़रिया झलकता है। जब सरकार प्रवासी मजदूरों का आंकड़ा इकट्ठा करने व उनका पंजीकरण करने तक की ज़हमत नहीं उठाती तो इन मजदूरों की सुरक्षा व सुविधाओं की सरकार से कोई उम्मीद करना भी बेमानी है। उन्होंने सरकार से अंतर्राज्यीय प्रवासी मजदूर अधिनियम 1979 को सख्ती से लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर प्रियंका के परिवार को आर्थिक मदद न मिली तो सीटू सड़कों पर उतरकर आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
चिंतपूर्णी सदन भवन के साथ भरवाईं और मोईन गांव को जाने वाले रास्ते का काम शुरू हो गया है। बता दे की पिछले कल चिंतपूर्णी सदन भवन में डीसी ऊना राघव शर्मा द्वारा बुलाई गई मीटिंग में डीएसपी सृष्टि पांडे ने इस सड़क के बारे में मुद्दा उठाया था उनका कहना था श्रावण अष्टमी मेले के मद्देनजर इस रास्ते को ठीक करवाना अति आवश्यक है। क्योंकि इस रास्ते से चिंतपूर्णी आने वाले ट्रैफिक को वनवे करके वापिस भेजा जाएगा रास्ते की दुर्दशा काफी खराब है दोपहिया चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है या कोई अनहोनी घटना घट सकती है। डीसी ऊना राघव शर्मा द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग को सख्ती के साथ निर्देश जारी करने के बाद काम शुरू हो गया। काम शुरू होने पर गंगोट पंचायत की प्रधान ऐश्वर्या शर्मा, पूर्व प्रधान राकेश समनोल, राजेश पराशर, मदनलाल, अनिल शर्मा ,अमन शर्मा आदि ने डीसी ऊना राघव शर्मा का धन्यवाद किया है। वही एन एस कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल कुलकर्णी ने बताया कि सड़क के इस हिस्से के काम को 2 दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री डाॅ.राजीव सैजल ने तरंगाला तथा रामपुर में स्वास्थ्य उपकेन्द्र भवनों का किया लोकार्पण
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि वर्तमान केन्द्र एवं प्रदेश सरकार नारी सशक्तिकरण, किसान सम्मान, घरद्वार बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, गुणवत्तायुक्त शिक्षा तथा त्वरित समस्या निवारण की दिशा में कार्यरत है। डाॅ. सैजल आज सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत दाड़वां के तरंगाला तथा ग्राम पंचायत बुघारकनैता के रामपुर में स्वास्थ्य उप केन्द्र भवनों सहित रछियाणा भुमान में महिला मण्डल भवन का लोकार्पण करने के उपरान्त जनसभाओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने ग्राम पंचायत दाड़वां के तरंगाला में 26.94 लाख रुपए की लागत से निर्मित स्वास्थ्य उप केन्द्र भवन तथा ग्राम पंचायत बुघारकनैता के रामपुर में 34.41 लाख रुपए की लागत से निर्मित स्वास्थ्य उपकेन्द्र भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत बुघारकनैता के रछियाणा भुमान में 02 लाख रुपए की लागत से निर्मित महिला मण्डल भवन का लोकार्पण भी किया। दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, बीडीसी धर्मपुर की अध्यक्ष जमना ठाकुर, ग्राम पंचायत बुघारकनैता की प्रधान हेमा कुमारी, ग्राम पंचायत दाड़वां के प्रधान रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत बुघारकनैता के उप प्रधान पूर्ण सिंह, बीडीसी सदस्य शिवानी, ग्राम पंचायत दाड़वां के पूर्व उप प्रधान पूर्ण चंद गुप्ता, ग्राम पंचायत बुघारकनैता के वार्ड सदस्य हेमलता, सरिता, सुरेश बाला, चंचल, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी कसौली डाॅ. संजीव धीमान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, लोक निर्माण विभाग कसौली के अधिशाषी अभियन्ता मनोहर लाल शर्मा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
पुलिस थाना रक्कड़ के अंतर्गत कलोहा समीपवर्ती पड़ते सिकरा द भरोह स्थित शराब के ठेके से शराब चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। सूत्रों की माने तो हजारों रुपये की शराब की चोरी उक्त शराब के ठेके से हुई है । जानाकरी मिलते ही मौके पर पहुंची रक्कड़ पुलिस ने कार्यवाही करते हुए सेल्समेन व अन्य के बयान कलमबद्ध किये हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार चोर ने चोरी बड़ी ही शातिरदारी से की है। शराब के ठेके के बाहर लगे कैमरे को भी किसी चीज से ढक दिया गया था, उसके उपरांत चोरी को अंजाम दिया गया है। यही नहीं शराब ठेके के लगे शटर के साथ ताले को भी तोड़ दिया गया है। जानकारी के अनुसार एनएच नादौन-ऊना से सटे इस शराब के ठेके में चोरी की रात कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। मामले की पुष्टि करते हुए रक्कड़ थाना प्रभारी ने चिरन्जी लाल शर्मा ने कहा कि सिकरा दा भरो मे चल रहे ठेके से शराब चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली थी। वहां से कितनी शराब चोरी हुई है इसके लिए वहां तैनात सेलसमैन से टोटल स्टाक की रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविंदर रवि आजकल देहरा में भारतीय जनता पार्टी के संगठन की मूल इकाईयों जैसे कि ग्राम केंद्र व बूथ स्तर की कमेटियों की बैठकें ले रहे है। बैठकों की जानकारी देते हुए भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ सुकृत सागर ने कहा कि यह संगठन की नियमियत बैठकें हैं। इसी कड़ी में पूर्व विधायक रविंदर रवि ने देहरा विधानसभा के गुलेर, बिलासपुर, सकरी, नंदपुर और लुदरेट में पार्टी पदाधिकारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की। सकरी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रविंदर रवि ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अब 2022 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दे। रविंदर रवि ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए यह बैठकें की जा रही है उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि वह प्रदेश की जयराम सरकार और केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं को आम जनमानस तक पहुंचाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इन योजनाओं का लाभ ले पाएं। रवि ने कार्यकर्ताओं को बताया कि 15 अगस्त को देहरा में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता भाग लेंगें। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष निर्मल सिंह, जिला महामंत्री जगदीप डडवाल, मंडल महामंत्री रमेश चौधरी, रणजीत गुलेरिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सर्वदर्शन, भाजयुमों प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ सुकृत सागर उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सकरी में स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक हुई । जिसमें नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान पद के लिए चुनाव करवाया गया और यह चुनाव मतदान प्रक्रिया द्वारा किया गया, जिसमें कुल 55 अभिभावकों ने मत का प्रयोग किया। एसएमसी प्रधान पद के लिए रजनीश शर्मा और निशा ठाकुर ने दावेदारी जताई। जिसमें वोटिंग के दौरान निशा निशा ठाकुर को 16 वोट मिले जबकि 1 वोट रद्द हुआ तथा रजनीश शर्मा को 38 वोट मिले जिन्हें विजयी घोषित किया गया। एसएमसी की नई कार्यकारिणी में सोनिका देवी, सुमन देवी, मनजीत कौर, सुमन लता, सीतादेवी, त्रिलोक सिंह, सुनीता कुमारी, अर्चना देवी, सुदर्शन कुमार, निशा ठाकुर, अनीता देवी, शांति देवी, मीना कुमारी, आशा कुमारी, रितेश गुलेरिया, विक्रम सिंह तथा शुभकरण सिंह को सदस्य चुना गया। बैठक में प्रधानाचार्य सुनील दत्त शर्मा प्रवक्ता रजिंदर गुलेरिया, निर्माण सिंह, संदीप कुमार, मिलाप चंद, ग्राम पंचायत सकरी प्रधान रोमन भक्कल, ब्लॉक समिति सदस्य मनजीत जंजुआ आदि उपस्थित रहेे।
विकास खण्ड परागपुर की पंचायत परागपुर में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल परागपुर की एसएमसी का चुनाव प्रधानाचार्य वंदना शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान अभिभावकों द्वारा सर्वसम्मति से सुनील चौहान को स्कूल प्रबंधन समिति का अध्यक्ष चुना गया तथा इसके अतिरिक्त रीना रानी संजीव कुमार, सरोज कुमारी,पूनम, रेखा देवी,सीमा देवी,बेबी,नीता,सोनू,सावित्री देवी,प्रवीण, मीनाक्षी एसएमसी के सदस्य मनोनीत किए गए। वहीं इस दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य वंदना शर्मा ने सभा को सम्बोधित किया। अपने संबोधन मे वंदना शर्मा ने कहा कि सर्वसमति से एसएमसी चुनाव सम्पन्न हो गए हैं। जिसमें हार निवासी सुनील चौहान को प्रधान मनोनीत किया गया है। वंदना शर्मा ने कहा विद्यालय की जितनी भी समस्या हैं पूरी टीम मिलकर उसपर कार्य करेगी।
भारत सरकार वस्त्र मंत्रालय विकास आयुक्त हथकरघा नई दिल्ली द्वारा आयोजित 7वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के उपलक्ष्य में आज हथकरघा सेवा केन्द्र कुल्लू द्वारा देवसदन भवन में राज्य स्तरीय हथकरघा दिवस कार्यक्रम का हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। इसमें एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र छिमे, आगमो तथा भुट्टिको के अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। राष्ट्रीय आंदोलन को सफल बनाने में इस उद्योग ने अहम भूमिका निभाई थी। आजादी के बाद धीरे-2 यह उद्योग प्रोन्नत हुआ तथा गांव से शहरों तक इसका विस्तार हुआ। आज इस उद्योग के विस्तार के लिए नए-2 प्रयोगों, ब्रांडिंग, प्रोसैसिंग तथा बड़े बाजारों से जुड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कुल्लू की शाॅल, टोपी तथा अब कुल्लवी साड़ी ने भी देश-दुनिया में प्रसिद्धि प्राप्त की है। इसकी पृष्ठभूमि तथा भव्यता को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों तक अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने का आहवान किया। कोविड के कारण हथकरघा उद्योग की गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। कुल्लू एक अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक स्थल है। यहां पर काफी संख्या में पर्यटक आते हैं तथा निशानी के तौर पर वे कुल्लू शाॅल तथा टोपी ले जाना कभी नहीं भूलते हैं। इस अवसर पर हैंडलूम गतिविधियों पर आधारित पर एक वृत्तचित्र, हैंडलूम मार्क पर ताना-वाना मूवी का भी प्रदर्शन किया गया। हथकरघा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सेऊबाग स्थित गाहर गांव के सात लाभार्थियों पूजा, रीता देवी, गेहर सिंह, द्रोपती देवी, सरला देवी, निर्मला देवी तथा तुली देवी को मुख्यातिथि द्वारा प्रशंस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। हैंडलूम क्षेत्र में राष्ट्रीय अवार्डी उत्तम चंद तथा एनएमसी सोहन सिंह ने भी मंच के माध्यम से हथकरघा क्षेत्र में अपने सफल तथा लम्बे अनुभवों को सांझा किया। मुख्यातिथि ने इन्हें भी सम्मानित किया।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने आज अपने कार्यालय कक्ष में मुख्यमंत्री ग्राम कौशल योजना बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत वर्ष 2021-22 में 140 प्रशिक्षणार्थियों को जिला शिमला के 12 विकास खण्डों में 28 ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा इस योजना की अवधि ट्रेड अनुसार 3 से 6 माह तक की होगी। इस दौरान प्रशिक्षाणार्थियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम अवधि के आधार पर 3 हजार रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जाएंगे। इस राशि में से 75 प्रतिशत राशि पाठ्यक्रम की अवधि के दौरान तथा शेष 25 प्रतिशत राशि प्रशिक्षण अवधि पूर्ण होने पर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम कौशल योजना का मुख्य उद्देश्य क्षमता निर्माण, पारम्परिक कौशल को आधुनिक/सामायिक बनाना, पारम्परिक शिल्पकारों और दस्तकारों की पहचान करना, युवाओं को इन कलाओं/कौशलों को सीखने के लिए प्रेरित करना, प्रशिक्षण प्रदान करना तथा विभिन्न माध्यमों से बाजार से सम्पर्क स्थापित करवाना है। इन कलाओं और शिल्पों में बुनाई, कढ़ाई, टोपियां तथा अन्य ऊनी वस्त्रों, धातु एवं लकड़ी का काम, चित्रकारी, थंगका चित्रकारी, टोकरी बनाना तथा मिट्टी के बर्तन बनाना आदि कार्य शामिल है। उन्होंने जिला शिमला के सभी विकास खण्ड अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशिक्षित लाभार्थियों को प्रशिक्षण के उपरांत अपना व्यवसाय करने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डीआरडीए संजय भगवती, जिला पंचायत अधिकारी विजय बरागटा, यूको बैंक के मैनेजर अंकुश चौहान, सहायक पंजीयक अधिकारी सहकारी सभाएं गौरव चैहान, जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।


















































