शिमला : हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर संघ का एक प्रतिनिधि मंडल प्रधान राजेश पराशर की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर से मिला। उन्होंने निजी बस ऑपरेटरों की समस्याओं को सुना तथा निजी बस ऑपरेटरो को विश्वास दिलाया कि कैबिनेट के फैसले में जो कमियाँ रह गई है उस पर प्राथमिकता के आधार पर दोबारा विचार किया जाएगा। इससे पहले एक प्रतिनिधिमंडल पीटरहॉफ में हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रदेश महासचिव रमेश कमल की अध्यक्षता में केंद्रीय वित्त एवं कोरपोरेट राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर से मिला जिसमे ऊना से पवन ठाकुर, हमीरपुर से विजय ठाकुर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री, केंद्रिय वित्त राज्य मंत्री मंत्री एवं परिवहन मंत्री ने निजी बस ऑपरेटर को विश्वास दिलाया कि बस ऑपरेटरो की मांगे बिल्कुल जायज है तथा इस को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का प्रयास किया जाएगा। परिवहन मंत्री ने कहा कि निजी बस ऑपरेटर भी हमारा परिवार है तथा इस पेनिक अवस्था में भी प्रदेश सरकार हमेशा ही निजी बस ऑपरेटर के साथ है। उधर हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश पराशर ने निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल को वापस ले लिया और कहा कि हिमाचल प्रदेश में कल से बसे चल पड़ेंगी।
उद्योग मंत्री ने हि.प्र. हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम, सामान्य उद्योग निगम और खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के निदेशक मण्डल की बैठकों की अध्यक्षता की। देश-विदेश की नामी ई-काॅमर्स शाॅपिंग वेबसाइट शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के उत्पादों का विक्रय करेंगी। यह जानकारी उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने आज यहां हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के निदेशक मंडल की 186वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि ई-काॅमर्स शाॅपिंग वेबसाइट अमेज़न और फ्लिपकार्ट के साथ इस सम्बन्ध में जरूरी प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। प्रदेश के हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के उत्पादों में इन दोनों ही कम्पनियों ने गहरी रूचि दिखाई है। निगम के उत्पादों की उच्च गुणवता के दृष्टिगत ई-काॅमर्स कम्पनियां इन्हें वैश्विक बाजार में विक्रय कर उपभोक्ताओं को घर-द्वार पर उपलब्ध करवाने के लिए बहुत उत्सुक है। बिक्रम सिंह ने कहा कि इससे प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और बुनकरों को ऑनलाइन व्यापार के माध्यम से लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि गत तीन वर्षों में निगम ने 3375 लोगों को प्रशिक्षण प्रदान किया है। इस वर्ष का टर्न ओवर लगभग 30 करोड़ रुपये रहा है। निगम के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने कहा कि विभिन्न उत्पादों में गुणवता सुनिश्चित करने के लिए दक्ष प्रयास किए गए हैं। कारीगरों व बुनकरों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
विधानसभा ज्वालामुखी के अंतर्गत सिविल अस्पताल ज्वालामुखी से थाना में सूचना मिली कि एक व्यक्ति को गंभीर स्थिति में सिविल अस्पताल ज्वालामुखी लाया गया है।सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस सिविल अस्पताल ज्वालामुखी पहुँची, जहां उन्हें पता चला कि 31 वर्षीय युवक निवासी वाह, डाकघर फकलोह, को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ज्वालामुखी लाया गया था और चिकित्सकों के अनुसार उक्त युवक पुलिस को कोई भी बयान देने लायक नहीं था। इसलिए युवक की माता और घरवालों के बयान अनुसार उक्त व्यक्ति आईपीएच में नौकरी करता है व आजकल उसकी नाईट डयूटी लगी थी, दिन के समय यह दिहाड़ी वालों के साथ काम पर जाता था,व नशा शराब करके ये घर आता था। आज भी नशे में आकर अपनी पत्नी से गाली गलौच की थी। वहीं नशे की हालत में किसी नशीली दवाई का सेवन कर लिया है।प्राथमिक इलाज के बाद उक्त युवक को आगामी इलाज हेतु टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया है। मामले की पुष्टि एसएचओ ज्वालामुखी जीत सिंह ने की है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोलन जिला के बद्दी क्षेत्र के अन्तर्गत मल्कु माजरा के 10 वर्षीय प्रिंस चौधरी, जो हड्डियों के गम्भीर रोग से पीड़ित है और पीजीआई चण्डीगढ़ में उपचाराधीन है, के माता पिता को उनके इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये स्वीकृत किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों और जरूरतमंदों को सहायता प्रदान करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि धन के अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति उचित उपचार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री राहत कोष से हर सम्भव सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए उदारतापूर्वक अंशदान करने का आग्रह किया ताकि आवश्यकता के समय में जरूरतमंदों को राहत प्रदान की जा सके। छठें राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बच्चे और उसके माता-पिता की स्थिति से अवगत करवाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बीमारी के उपचार का सालाना खर्च लगभग दो लाख रुपये है और बच्चे के माता-पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है और बच्चे के पिता गुरूमेल सिंह पहले ही इलाज के लिए अपनी जमीन और गहने बेच चुके है ।
सोलन जिला में कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए 17 जून, 2021 को दिव्यांग जन के टीकाकरण के लिए विशेष अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। यह जानकारी आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल ने दी। डाॅ. उप्पल ने कहा कि इस विशेष अभियान के तहत 17 जून, 2021 को जिला के 06 कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों पर दिव्यांगजनों का कोविड से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान में जिला के 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लगभग 3300 दिव्यांगजन का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 जून को आयोजित किए जा रहे विशेष टीकाकरण शिविर में जिला के अर्की, चण्डी, धर्मपुर, नालागढ़ चिकित्सा खण्ड मुख्यालय व सायरी चिकित्सा खण्ड के मुख्यालय कण्डाघाट स्थित स्वास्थ्य संस्थानों में दिव्यांगजनों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में भी 17 जून को ही दिव्यांग जन के लिए विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित होगा। उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी दिव्यांगों से आग्रह किया है कि इस विशेष टीकाकरण शिविर में अपना यूडीआईडी (यूनीक आईडी फाॅर पर्सन्ज विद डिस्ऐबिलीटिज) साथ लाएं। यूडीआईडी के आधार पर शिविर में ही उनका पंजीकरण के उपरान्त टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूडीआईडी उपलब्ध न होने की स्थिति में दिव्यांग जन चिकित्सा प्रमाण पत्र एवं आधार नम्बर साथ लाना अनिवार्य है। उन्होंने सभी दिव्यांग जन से टीकाकरण के लिए आधार नम्बर साथ रखने का आग्रह किया। डाॅ. उप्प्ल ने जिला के 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के सभी दिव्यांगजन से इस शिविर में टीकाकरण करवाने का आग्रह किया।
कुनिहार क्षेत्र के साथ लगते शलाह, मयाणा- जाबल, शिव शंकरगढ़ व् सूरठा गाँव सम्पर्क सड़क की खस्ता पड़ी हालत के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क कच्ची एवं पथरीली होने के कारण जगह जगह ल्हासे पड़े हुए है । जानकारी के अनुसार कंडाघाट उपमंडल के अंतर्गत आने वाली सड़क कुनिहार ममलीग मार्ग के शलाह से लगभग 7 किलो मीटर दूर केंची मोड जाबल जमरोट तक सम्पर्क सड़क है उक्त सड़क का निर्माण लगभग 4 वर्ष पूर्व किया गया था। सड़क कच्ची होने के कारण इसके रखरखाव का कार्य ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। ग्रामीणों ने रोष व्याप्त करते हुए कहा कि सरकार एवं लोक निर्माण विभाग उक्त सम्पर्क सड़क की और कोई ध्यान नही दे रहे है। जबकि इस सड़क से कई छोटे बड़े गाँव की जीवन रेखा जुड़ी है । ग्रामीणों में संतराम, तुलसीराम, कुमार चंद, धर्मदास, ओमप्रकाश ,प्यारेलाल ,मेदराम ,स्वरुप, बिशनदास ,गीताराम ,देविंदर कुमार, रूपचंद ,दीप राम के अतिरिक्त पूर्व पंचायत समिति सदस्य डी डी कश्यप आदि ने कहा कि 4 वर्ष पूर्व कुनिहार ममलीग मुख्यमार्ग के शलाह से जाबल जमरोट तक लगभग 7 किलो मीटर एक सम्पर्क सड़क का निर्माण किया गया था। लेकिन कच्ची सड़क निर्माण कार्य के पश्चात किसी ने इसकी सुध नहीं ली। बरसात होने के कारण जगह जगह मलवा एवं पेड़ो की टहनियाँ सड़क में गिरी हुई है विभाग इस और ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त सड़क सलाह, मयाणा ,शिव शंकरगढ़,जाबल ,सड़क नाला ,सूरठा आदि गाँव को जोड़ती है। सड़क की खस्ता हालत के चलते ग्रामीण अपनी नगदी फसलों को उठाकर कई किलोमीटर मुख्य मार्ग तक लाने को मजबूर हो गए है ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग उप मंडल कंडाघाट से आग्रह किया है कि सड़क ही हालत में शीघ्र सुधार किया जाए ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी विभिन्नों सलाहों एवं मानक संचालन की अनुपालना के लिए करयाला के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। इस जागरूकता अभियान से पंचायत स्तर व गांव-गांव में सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा करयाला के माध्यम से जानकारी प्रदान की जा रही है। जय देव कुर्गण सामाजिक एवं सांस्कृतिक कला मंच के माध्यम से आज सुन्नी विकास खण्ड के बसन्तपुर, सुन्नी, मढ़ोड घाट, नगर पंचायत सुन्नी तथा जयेश्वरी लोक नृत्य कला मंच द्वारा विकास खण्ड ठियोग के अस्पताल रोड, सुभाष चैक ठियोग, शाली बाजार, बस स्टैंड, पेट्रोल पंप व जनोग घाट में आम जनमानस को कोरोना महामारी के बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करना है, दो गज की दूरी बेहद है जरूरी, अपने हाथों को बार-बार साबुन से धोएं या सैनेटाइज करें तथा वैक्सीन के टीके जरूर लगाएं। इन स्थानों पर उपस्थित जनसमूह ने सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा अपनी स्थानीय भाषा में सरलता से लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई जा रही है। यह बात विकास खण्ड सुन्नी के नगर पंचायत सुन्नी के प्रधान प्रदीप शर्मा, बसन्तपुर ग्राम पंचायत के उप-प्रधान राजीव कंवर जबकि ठियोग विकास खण्ड में प्रधान डाॅ. दलीप टेगटा तथा समाज सेवक रमेश चन्द ने कही। प्रधान डाॅ. दलीप टेगटा ने बताया कि स्थानीय संवाद से कायम किए जा रहे इस सम्पर्क को आम जनमानस पूर्णतयः समझ सकता है, जिससे स्थानीय लोग कोरोना महामारी को रोकथाम के लिए बताए जा रहे मानक संचालन की अनुपालना करेंगे। इस अवसर पर कलाकारों ने सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग हिमाचल प्रदेश की होम आईसोलेशन की स्वयं सहायता पुस्तिका भी लोगों को जागरूकता व जानकारी प्रदान करने के लिए वितरित की।
देहरा: कोरोनाकाल में एक योद्धा की तरह डटे समाजसेवी, नेशनल शिपिंग बोर्ड के सदस्य और वीआर मेरीटाइम कंपनी के प्रबंध निदेशक कैप्टन संजय पराशर का मावनीय चेहरा एक बार फिर तब सामने आया, जब चौली पंचायत के बसालग गांव के दौरे के दौरान एक युवती उन्हें देखकर भावुक हाे गई। गांव की यवुती पूजा देवी की संजय व उनकी पत्नी सोनिका पराशर से मुलाकात तीन वर्ष पहले हुई थी। देवी ने बताया कि पराशर के मानवता के परिचय की गवाह वह वर्ष 2018 में रह चुकी है। अपने गांव में पराशर को देखकर युवती व स्वजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दरअसल चौली पंचायत की पूजा केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, बलाहर (गरली) की छात्रा थी और 2 मार्च 2018 को वह 12 विश्वविद्यालयों की राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता में अन्य पचास विद्यार्थयों के साथ भाग लेने मुंबई गई थी। रास्ते में ही उसकी तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई और जब वह आयोजन स्थल तक पहुंची तो उसका शरीर खांसी, जुकाम व बुखार से बुरी तरह से जकड़ चुका था। जब दवाई देने के बाद भी पूजा के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ तो टीम के साथ गए में कंप्यूटर शिक्षक अमित वालिया ने कॉलेज सहपाठी सोनिका पराशर, जाेकि तब मुंबई में ही रहती थीं, से संपर्क साधा। सोनिका और संजय कुछ ही देर में वहां पहुंचे और स्थानीय अस्पताल में युवती का इलाज करवाया। पूजा ने बताया कि पराशर दंपति ने उसे बेटी की तरह प्यार दिया अौर लगातार नौ दिन तक अपने घर से खाना बनाकर उस तक पहुंचाते रहे। इतना ही नहीं दोनों ने उसका आत्मविश्वास भी बढ़ाया और इस वजह से उसने अपनी टीम के पांचों मैच खेले और खिताब पर भी कब्जा किया। कहा कि वह इस मदद को आजीवन याद रखेगी क्योंकि अनजाने शहर में सहायता के लिए पराशर दंपति की तरह कौन आगे आता है। वहीं, शिक्षक अमित वालिया ने बताया कि सोनिका व संजय ने समय पर पहुंचकर छात्रा पूजा का इलाज करवाया और टीम सदस्यों की भी हर संभव सहायता की। रेफरी के निर्णय का विरोध दर्ज करवाया था पराशर ने- चैंपियन टीम की सदस्य रही पूजा बताती हैं कि तब उनकी टीम चार मैच जीत चुकी थी और फाइनल मुकाबला चल रहा था। इस दौरान रेफरी ने गलत निर्णय लेकर विरोधी टीम को अंक दे दिए। संजय पराशर जोकि खो-खो के बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं और उसी वक्त आयोजकों के समक्ष दर्ज विरोध दर्ज करवाया। इसका असर यह हुआ कि रेफरी को अपना ही फैसला बदलना पड़ा। आखिर में हिमाचल की टीम कर्नाटक को पटकनी देकर विजेता बन गई।
प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग बद्धों की शिक्षा को लेकर कितनी चिंतित है। इसका उदाहरण शास्त्री की बैच वाइज भर्ती को देखकर लगाया जा सकता है। बार-बार ज्ञापन देने व प्रार्थना के बावजूद अभी तक शास्त्री भर्ती का परिणाम घोषित नहीं किया है, जबकि भर्ती से संबंधित सारी औपचारिकताएं फरवरी माह में पूरी कर दी गई थी| बेरोजगार शास्त्री संघ हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लेखराज शर्मा व सचिव मदन शर्मा तथा आचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि वे इस विषय में कई बार विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिल चुके हैं, परंतु उन्हें मात्र आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। इसी विषय पर संघ के पदाधिकारियों ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बृहस्पतिवार को मिलने का निर्णय लिया है। बेरोजगार अभ्यर्थियों का कहना है कि कई लोगों की आयु 45 वर्ष से ऊपर हो चुकी है उनके लंबे इंतजार में विराम कब लगेगा? अतः बेरोजगार संघ सरकार व शिक्षा विभाग से मांग करता है, कि साक्षात्कार के नतीजे शीघ्र घोषित करें। उन्होंने बताया कि अगर एक सप्ताह के अंदर उनकी मांग नहीं मानी गई तो अगले सप्ताह सभी शास्त्री मुख्यमंत्री तथा शिक्षा मंत्री को अपनी शास्त्री की उपाधियां सौंप देंगे तथा अनशन करने पर मजबूर हो जाएंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग की होगी| प्रदेश के सभी पदाधिकारी वीरवार को सुबह 12 बजे सचिवालय व शिक्षा निदेशालय में अपना मांग पत्र सौंपेंगे।
18 प्लस आयु वर्ग के युवाओं में कोविड वेक्सीन लगवाने को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। यही कारण है कि जिला कांगड़ा की भटोली फकोरियां डिस्पेंसरी के बाहर सुबह से ही भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। कोविड वेक्सीन लगवाने आए युवाओं युवा एक-दूसरे को कोविड से बचाव के प्रति जागरूक करते भी नजर आए। वेक्सीन लगवाने आए युवाओं ने मास्क पहने हुए थे। लाइन लंबी होने के चलते कुछ युवा डिस्पेंसरी के बाहर पेड़ की छाया में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। जिस तरह से कोरोना का दौर चल रहा है, कोई वेक्सीन लगवाकर खुद को सुरक्षित करना चाहता है। यही वजह है कि 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोग भी इसमें आगे आ रहे हैं।
ज्वालामुखी विधानसभा के अंतर्गत खुंडियां के तहत पंचायत टिहरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में मंगलवार को कोविड 19 वैक्सीन की डोज लगाई गई मिलयी जानकारी के अनुसार कोविड-19 वैक्सीन शिविर में 18+ उम्र के लोगों को भी वेक्सीन लगाई गयी साथ ही टिहरी में आयोजित इस वैक्सीन शिविर में लगभग 83 वाशिंदों को वैक्सीन लगाई गयी। इस वैक्सीन कैंप में सरकार द्वारा जारी कोरोना आदेशों की पालना करते हुए उचित दूरी, मास्क का विशेष ध्यान रखा गया है । इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र टिहरी की डॉक्टर मोनिका ठाकुर, फार्मासिस्ट सुकांती रेखा, आशा कार्यकर्ता अंजू वाला, दिपिका शर्मा, बिंदू कुमारी, ईशवरां देवी, सलिता देवी आदि मौजूद रहे।
सुन्दरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने जिला मण्डी के सुन्दरनगर विधासभा क्षेत्र के लोगों और संगठनों की ओर से मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को आज मुख्यमंत्री कोविड-19 सोलिडेरिटी रिस्पाॅंस फंड के लिए 3,73,043 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भेंट किया। इस अंशदान में एमएलएसएम महाविद्यालय सुन्दरनगर का 2,78,043 रुपये, सरकारी और अर्ध-सरकारी चालकों और स्वच्छता कर्मचारी संगठन हिमाचल प्रदेश का 51,000 रुपये, सुन्दरनगर के अन्तर्गत ग्राम पंचायत वीणा के लोगों का 33,000 रुपये और सुन्दरनगर के जड़ोल के शेर-ए-पंजाब ढाबे के विजय कुमार का 11,000 रुपये का योगदान प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए दानकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंशदान समाज के समृद्ध और परोपकारी वर्गों को इस फंड में उदार अंशदान के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इस निधि का उपयोग संकट के समय जरूरतमंदों व गरीबों को राहत प्रदान करने के लिए किया जाएगा।
जसवां-परागपुर के प्रसिद्ध समाज सेवी मुकेश ठाकुर उफ्फ सोनू ने अपनी नेक कमाई से जसवां परागपुर की ग्राम पंचायत स्यूल खड़ के शिव राज शाही की पशुशाला के लिए जहा 44000 रुपयों की आर्थिक मदद की बही ग्राम पंचायत सेहरी से गरीब निम्मो देवी की बेटी की शादी के लिये इक्यावन सौ रुपये की राशि मदद दी। मंगलवार को मुकेश ठाकुर की टीम ने ग्राम पंचायत कडोआ ओर सेहरी में 370 परिवारों को राशन दिया। गरीब परिवार के घर जाकर उन्होंने परिवार का कुशलक्षेम जानकर उन्हें शादी के लिये हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। दिन रात लोगों के लिये सेवा में लगी उनकी टीम ने कुछ युवा टीम को नशे से दूर रहकर खेलों की तरफ अग्रसर करने के लिये निहारी ओर रक्कड़ में खेल किटें भी बांटी व बच्चों को पढाई के साथ साथ कोरोना महामारी के प्रति भी जागरूक किया व उन्होंने कोरोना के बाद खेलकूद को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी ।ये समाज सेवी मुकेश ठाकुर ही थे जिन्होंने कोरोना काल की दूसरी लहर में गरीब परिवारों का भी ख्याल रखा ओर कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन में आर्थिक तंगी से जूझ रहे गरीब परिवारों काे राशन सामग्री भी वितरित की।बिना किसी राजनीतिक मकसद के गरीब परिवार के दुख सुख में शरीक होकर समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने एक ऐसी सामाजिकता का उदारहण दिया है जो कि प्रशंसनीय है प्रदेश में कोरोना के खिलाफ महायोद्धा के किरदार में उभरे मुकेेेश ठाकुर की पूरे जिला भर में प्रशंसा हो रही है।
कुनिहार :भारतीय राज्य पेंशनर्ज महासंघ हिमाचल प्रदेश महामंत्री इंद्र पाल शर्मा व कर्मचारी महा संघ के पुर्व अध्यक्ष गोपाल दास वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मण्डल शिमला के पीटर हाफ में केंद्रीय वित राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ,पुर्व मुख्यमन्त्री प्रेम कुमार धुमल ,संगठन मन्त्री पवन राणा व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप से मिला। महासंघ के प्रदेश महा मन्त्री इन्दर पाल शर्मा ने बताया की पैशनरो की लम्बे समय से चली आ रही प्रमुख मांगो के बारे में इन नेताओं को अवगत कराया तथा सरकार से इन मांगो को पुरा करवाये जाने के लिये सरकार से बात करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महासंघ ने सरकार से इन प्रमुख मांगो को प्रदेश में होने वाले उप चुनाव से पहले पुरा करने की मांग की है। इसे लेकर पैन्शनरो में भारी रोष है। इस अवसर पर महासंघ जिला सोलन के महामन्त्री स्यामानन्द शांडिल, वित्त सचिव ओमप्रकाश गर्ग, चैतराम आदि उपस्थित रहे।
भोरंज : स्वास्थ्य खंड भोरंज में 18 से 44 वर्ष तक की आयु के लोगों का कोरोना टीकाकरण अभियान सुचारू रूप से चलाया जा रहा है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित कालिया ने बताया कि भोरंज खंड में उक्त आयु वर्ग के 1476 लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं। प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर प्रतिदिन 100-100 लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। डॉ. ललित कालिया ने बताया कि भोरंज खंड में होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमित लोगों से नियमित रूप से संपर्क किया जा रहा है तथा उनके स्वास्थ्य मानकों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि भोरंज खंड में होम आइसोलेशन में रह रहे 180 लोगों को प्रदेश सरकार की ओर से होम आइसोलेशन किट भी प्रदान की गई है।
शिमला: कांग्रेस ने शिमला शहर में नगर निगम द्वारा कूड़े के बिल में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि इस महंगाई के दौर में लोगों के साथ यह एक बड़ा अन्याय है।उनका कहना है कि एक तरफ लोगों के कामधंधे बंद पड़े है,लोग बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से जूझ रहे है और सरकार है कि लोगों पर अपने टेक्स थोप कर अपनी तिजोरी भरने में लगी हैं। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चैयरमेन हर्षवर्धन चौहान ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि वह अपने खर्चे चलाने के लिए विकास के नाम पर कर्ज पर कर्ज ले रही है।उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कोरोना से प्रभावित लोगों की सरकार ने आज दिन तक कोई मदद नही की है।उन्होंने कहा है कि हर रोज डीजल और पेट्रोल के मूल्यों में बृद्धि कर सरकार अपनी तिजोरी तो भर रही है पर यह पैसा कहां खर्च किया जा रहा है इसका किसी को कोई पता नही है। हर्षवर्धन ने कहा है कि कोविड 19 के नाम पर सरकार ने आज दिन तक जितना भी पैसा इकट्ठा किया है उसकी पूरी जानकारी प्रदेश को दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा है कि यह पैसा कहां खर्च किया जा रहा है उसके बारे भी सरकार लोगो को बताये। हर्षवर्धन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से पूछा है कि वह बताये की केंद्र से प्रदेश को कोरोना राहत को कितना धन केंद्र से मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह अस्त व्यस्त हो कर रह गई है।सरकार के।पास इस स्थिति से उभरने की कोई योजना नही है।प्रदेश में बेरोजगारी का आंकड़ा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। लोगों के काम धंधे बंद हो गए है।टूरिज्म व ट्रांसपोर्ट सेक्टर बुरी तरह प्रभावित होकर रह गया है।सरकार ने इनके पुनर्जन्म के लिए कोई भी प्रभाबी योजना नही बनाई है। हर्षवर्धन ने हाल ही में प्रदेश में भारी ओलावृष्टि से हुए फसलों, फलों के नुकसान पर चिंता प्रकट करते हुए कहा है कि सरकार प्रभावित किसानों व बागवानों के नुकसान का जायजा लेकर उन्हें तुरंत फौरी राहत उपलब्ध करवाए जिससे उन्हें कोई मदद मिल सकें। उन्होंने डिपुओं में खाने के तेल,दालों के मूल्य बढ़ोतरी की भी आलोचना करते हुए सरकार से इस मूल्यों बढ़ोतरी,और शिमला नगर निगम द्वारा कूड़े व अन्य टेक्स बढ़ोतरी को तुरंत वापिस लेने की मांग की है। उन्होंने किसानों व बागवानों के केसीसी ऋणों की बसूली भी स्थागित करने की मांग की है।
सिराज : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सिराज विधानसभा क्षेत्र के सिराज वैली में प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल शिकारी देवी माता की पहाडि़यों पर लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पर्यटकों को रोकने के लिए थुनाग उपमंडल प्रशासन ने रायगढ़ के पास नाका लगा दिया है। एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिए हैं। इन आदेशों को एसडीएम थुनाग के अधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर भी शेयर किया गया है। जारी आदेश में मंदिर बंद होने के बाद भी लोग बड़ी संख्या में शिकारी देवी की तरफ अपना रूख कर रहे हैं, जोकि कोरोना के तहत लगी पाबंदियों की उल्लंघना है। लोग अनावश्यक रूप से यहां भीड़ एकत्रित कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अब इस तरफ न आएं। अब सिर्फ लोक निर्माण विभाग और वन विभाग सहित कुछ अन्य विभागों के वाहनों को ही रायगढ़ से आगे जाने की अनुमति दी गई है।
प्रदेश में कोरोना के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए कुछ सामाजिक संस्थाएं और लोग आगे आ रहे है। इसी कड़ी में आज समाजसेवक मनीष शारदा की टीम ने गगरेट विधानसभा क्षेत्र की 10 पंचायतो में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ताओं को कोरोना किट बांटी। इस दौरान गगरेट विस की गुगलेहड़, बडेड़ा राजपुता, लोहारली, जाड़ला कोड़ी, मांवा सिंधिया, क्लोह और टटेड़ा पंचायत में फेसशील्ड, विटामिन की गोलियां, सैनेटाइजर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता को बांटी गई। इस मौके पर लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि कोरोना की तीसरी लहर आने वाली है ऐसे में अब सभी लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इसके साथ ही अगर लोग जागरूक होकर मास्क का प्रयोग करें, सामाजिक दूरी को बनाए रखें और हाथों को साबुन या सैनेटाइजर से धोते रहें तो निश्चित तौर पर प्रदेश में कोरोना का से जंग जीती जा सकती है। इस दौरान समीर कालिया, नरेंद्र पिंटू, अशोक शर्मा, ओमप्रकाश, उपप्रधान जीत सिंह, गुरनाम चौधरी, कृपाल सिंह, सिंधु पाजी और नरेश ठाकुर मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश के बहुतचर्चित गुड़िया रेप और मर्डर केस में दोषी नीलू की सजा पर बहस को लेकर मंगलवार को शिमला जिला अदालत चक्कर में सुनवाई हुई, इस दौरान सीबीआई के वकील और बचाव पक्ष के वकील दोनों ने अपनी दलीलें रखी। अब मामले में 18 जून को सजा का ऐलान किया जाएगा। आज सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील ने दलील दी कि दोषी ने इस घटना को प्लानिंग के तहत अंजाम नहीं दिया था ऐसे में सजा-ए-मौत की सजा नहीं सुनाई जाए। वहीं, सीबीआई के वकील ने कहा कि दोषी पेशेवर अपराधी है और इसे सजा-ए-मौत हो। सीबीआई के वकील ने इस संबंध में निर्भया केस का जिक्र किया और कहा कि दोषी को फांसी की सजा सुनाई जाए। वहीं बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि दोषी की मां उस पर निर्भर है। जबकि सीबीआई के वकील ने कहा कि दोषी के दो और भाई है, वह मां की देखभाल कर सकते हैं। अब 18 जून को दोनों पक्षों को कोर्ट में बुलाया गया है और उस दिन ही सजा का एलान होना है। गौरतलब है कि बहुतचर्चित गुड़िया रेप और मर्डर केस में दोषी नीलू को 28 अप्रैल को दोषी करार दिया गया था। जिसके बाद मामले की पिछली पांच सुनवाईयां कोरोना कर्फ़्यु व बंदिशों के चलते टाल दी गई थी।
हिमाचल प्रदेश में धारा -144 के हटने के साथ ही कोविड-19 ई पास पोर्टल पर पंजीकरण से ज्यादा संख्या में सैलानी पहुंचने लगे हैं। पिछले तीन दिन में पोर्टल में दर्ज आंकड़ों के अनुसार ई-पास स्कैनिंग और आने वालों की संख्या कम हो गई है, जबकि शिमला समेत प्रदेश भर में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी और चंडीगढ़ के रजिस्ट्रेशन वाली गाड़ियां सड़कों पर दौड़ती दिख रही हैं। सरकारी सिस्टम के दावों के अनुसार पंजीकरण के संबंधित जिले के एसडीएम से अप्रूव होने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। पास जारी होने, स्कैन होने और सड़कों पर दौड़ती गाड़ियों की संख्या इस दावे की हवा निकाल रहे हैं। 11 जून को पोर्टल के अनुसार प्रदेश में 3991 पास स्कैन किए गए, जबकि 9586 लोगों ने राज्य की सीमा में प्रवेश किया। 12 जून को यह संख्या घटकर 9278 हो गई। रविवार 13 जून को परवाणू बॉर्डर से एंट्री के लिए हजारों वाहनों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए, लेकिन आंकड़ों के अनुसार सिर्फ 7201 लोगों ने ही राज्य में प्रवेश किया। सरकारी सिस्टम के इस दावे और सोशल मीडिया पर सैकड़ों की संख्या में वाहनों के हिमाचल में प्रवेश के फोटो वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने खासी नाराजगी जताई है। कई लोगों ने फेसबुक और ट्विटर जैसे माध्यमों के जरिये सरकार से पूछा है कि कैसे हो सकता है कि सैकड़ों की संख्या में वाहन हिमाचल आ रहे हैं और आने वालों की संख्या कम हो रही है। लोगों ने पंजीकरण और ई-पास की चेकिंग पर सवाल उठाए। उधर, पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश में आने वाले सैलानियों को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है। कहा गया है कि वह कोविड संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मास्क न लगाने पर पहली बार पांच सौ रुपये जुर्माना लगेगा, जबकि बार-बार पकड़े जाने पर पांच हजार का जुर्माना और 8 दिन की जेल भी हो सकती है।
प्रदेश में अब 21 जून से हर आयु वर्ग के लोगों को अब बिना स्लॉट बुक करवाए कोरोना वैक्सीन लगेगी। अभी तक युवाओं यानी 18 से 44 आयु वालों को वैक्सीन लगाने के लिए स्लॉट बुकिंग करवानी पड़ रही है। 21 जून से युवाओं के लिए भी स्लॉट बुकिंग करवाने का झंझट खत्म हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इससे वैक्सीनेशन को बढ़ावा मिलेगा। राज्य के पास अभी भी 45 साल से ऊपर के लोगों के लिए 7 लाख से ज्यादा डोज उपलब्ध हैं। ऐसे में 21 जून के बाद अब सभी एक ही श्रेणी में आ जाएंगे और यह 7 लाख डोज सभी आयु वर्ग को लगना शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि युवाओं को स्लॉट बुक करवाने के लिए परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। कई लोगों ने शिकायत की है कि स्लॉट बुक नहीं हो रहे हैं और उनका वैक्सीन लगाने में नंबर आएगा या नहीं, ये सबसे बड़ी दुविधा है।
सोलन :परवाणू से लेकर चम्बाघाट तक एनएच में आई ज़मीन के मालिकों को एनएचएआई ने मुआवज़ा देकर खाली करवाया था। इसके बावजूद कई मकान ऐसे थे जिनके मालिकों ने मुआवज़ा लेने के बाद भी मकान खाली नहीं किये और टूटे हुए घरों में दोबारा निर्माण कार्य करवाना शुरू कर दिया था। 350 के करीब ऐसे भवन हैं जिनको तोड़ा जाना था जिनके बिजली पानी के कनेक्शन पहले ही काट दिए गए थे। लेकिन इनमे से 75 मकान मालिकों ने इन्हें खाली नहीं किया और इनमे ही रहना जारी रखा। साथ ही पुनर्निर्माण शुरू कर दिया था। उच्च न्यायालय ने भी कार्रवाई करते हुए सम्बंधित अधिकारियों और एनएचएआइ को लताड़ लगाईं और इन्हें खाली करवाने के आदेश दिए। जिसके बाद प्रशासन ने आज इन पर कार्रवाई की है और इन मकानों को तोड़ा जा रहा है।
- ब्लड प्रेशर की जो दवाई पचास रूपए में मिलती थी, केन्द्र में वही दवाई मात्र पांच रूपए में उपलब्ध देहरा : केन्द्रीय पोत, परिवहन, रसायन व उर्वरक राज्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि धरोहर गांव परागपुर में प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र खुलने के बाद आम आदमी पर से दवाई के खर्च का बोझ बेहद कम हो जाएगा और इस केन्द्र के खुलने के बाद आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण व सस्ती दवाईयां मिलने लगी हैं। मंडाविया ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए प्रदेश के 64 वें व जिला कांगड़ा के 10 वें प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र का उदघाटन करते हुए कहा कि लोगों को सस्ती दर पर दवा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र की मोदी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में सरकार ने देश के विभिन्न हिस्सों में जन औषधि केंद्र खोलने के लिए लोगों को प्रोत्साहित भी किया है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने दिल्ली में समाजसेवी व नेशनल शिपिंग बोर्ड के सदस्य कैप्टन संजय पराशर को जानकारी दी थी कि किस तरह यह योजना गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की बहुत बड़ा साथी बन रही है। तब पराशर ने अपने क्षेत्र जसवां-परागपुर में ऐसा केन्द्र खोलने का निर्णय लिया। अब औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें इस जनऔषधि केन्द्र के लोकापर्ण पर सुखद अनुभूति हो रही है। मंडाविया ने कहा कि पराशर समाजसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दे रहे हैं और जनऔषधि केन्द्र खोलकर भी उन्हाेंने जनसेवा का बीड़ा उठाया है। वहीं, केन्द्र के संचालक संजय पराशर ने कार्यक्रम में कहा कि उन्हें मनसुख से ही इस बारे प्रेरणा मिली और उनका लक्ष्य है कि जसवां-परागपुर के रक्कड़ क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र खोला जाए। बताया कि उनकी पत्नी सोनिका पराशर की यह इच्छा थी कि स्कूल व कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन निशुल्क दिए जाएं। पराशर ने घोषणा करते हुए कहा कि इस औषधि केन्द्र के माध्यम से परागपुर क्षेत्र के सभी निजी स्कूलों व कॉलेज की छात्राओं के लिए सोमवार से ही यह व्यवस्था कर दी गई है। वहीं, औषधि केन्द्र में पहुंचे प्रदेश नोडल अधिकारी, ब्यूरो ऑफ़ फार्मा रोहित शर्मा ने बताया कि इस औषधि केन्द्र में पचास से नब्बे फीसद तक दवाईयां सस्ती मिलेंगी। प्रदेश का अपनी तरह का यह ऐसा केन्द्र है, जहां पर सभी प्रकार की दवाईयां उपलब्ध हैं और संचालक संजय पराशर ने दवाईयों को मरीजों के घरों तक पहुंचाने की भी व्यवस्था कर दी है। कुठियाड़ा गांव के सतपाल ने बताया कि वह ब्लड प्रेशर की दवाई पचास रूपए में लेते थे, लेकिन आज इस केन्द्र में वही दवाई मात्र पांच रूपए में मिली। बीडीसी सदस्य अनुज शर्मा और सरड़ डोगरी से रमेश डोगरा ने बताया कि दवाईयां इस केन्द्र में बेहद सस्ती हैं और गुणवत्तापूर्ण भी हैं। वहीं, रक्कड़ गांव से पहुंची दो छात्राओं ईशा व कनिका ने सोनिका पराशर द्वारा सेनेटरी नेपकिन निशुल्क देने का स्वागत किया।
गरली के वार्ड नबंर तीन में आज एक साथ 88 लोगो के कोविड 19 टेस्ट हुए। जानकारी देते हुए पचायत प्रधान शशिलता ने बताया कि गरली की टास्कफोर्स टीम ने घर घर जाकर स्थानीय तमाम ग्रामीणो का आक्सीजन लैवल व थर्मल सकेनिग से टेम्परेचर चेक किया। वही इस दौरान उन्हें लगा कि उक्त 88 लोगो का कोरोना टेस्ट करवाना जरुरी है तो उन्होंने तुरन्त अपनी लिस्ट तैयार कर बीएमओ डाडासीबा सुभाष ठाकुर के समक्ष रखी और आज ही गरली पँचायत के वार्ड नबंर तीन में 88 लोगो के करोना टेस्ट करवाया गया। पँचायत प्रधान शशिलता ने बताया कि टॉस्कफोर्स टीम प्रत्येक वार्ड में अपना कार्य कर रही है और अब वार्ड नबंर चार व पांच की लिस्ट भी तैयार कर ली गई है और वहां भी जल्द करोना टेस्ट करवाया जाएगा। जानकारी देते हुए बीएमओ डाडासीबा सुभाष ठाकुर ने बताया कि क्षेत्रभर भर के जिस व्यक्ति को कोरोना वायरस के लक्षण महसूस होते है तो वह तुरन्त नजदीकी स्वास्थय केंद्र, आशा वर्कर से फोन पर सम्पर्क करके अपना कोरोना टेस्ट करवा सकते है। वही धरोहर गांव गरली में बडे पैमाने पर हुए कोरोना टेस्ट को सफल बनाने के लिए आशा वर्कर शशिलता सहित टास्क फाॅर्स टीम व स्वास्थ्य विभागीय कर्मचारियों का भरपूर सहयोग रहा है।
देहरा :पँचायत प्रधान बणी मे सोमवार को जलशक्ति विभाग की ओर से "जल शक्ति मिशन " के तहत एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। पचांयत प्रधान बिन्दू ठाकुर की अध्यक्षता मे आयोजित हुए इस कार्यक्रम मे कोरोना नियमों का पालन करते हुए अन्य पंचायत प्रतिनिधियो के आलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ व क्षेत्र भर के अन्य लोगों ने भाग लिया। वही इस दौरान मौके पर मौजूद जलशक्ति विभाग की ओर से आए अधिकारियो ने पानी के महत्व व सरकार द्वारा उपभोक्ताओं के लिए जारी की भिन्न भिन्न लाभकारी योजनाओ के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वही इस मौके पर जल जीवन के लिए कितना महत्वपूर्ण है और आपके द्वारा बचाई गई एक एक पानी की बूंद किसी को नई जिंदगी दे सकती हैं, इस बारे में भी जागरूक किया। पँचायत प्रधान बिंदु ठाकुर ने इस दौरान लोगो को कोरोना के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने व सहयोग देने की अपील की है।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी को लेकर जिला काँगड़ा कांग्रेस प्रवक्ता सपन सूद ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा की प्रदेश की जनता के साथ यूनिवर्सिटी की स्थापना को लेकर गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा की पूर्व की यूपीए सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के जिला काँगड़ा को एजुकेशन हब बनाने के उदेश्य से स्वीकृत सेंट्रल यूनिवर्सिटी को भाजपा ने राजनीति का शिकार बना कर प्रदेश की जनता से "खेला" किया है। सपन सूद ने आरोप लगाया की केंद्र में भाजपा की सरकार अपने सात वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में खुलने वाली सेंट्रल यूनिवर्सिटी को लेकर गंभीरता से कार्य नहीं कर रही है। उन्होंने कहा की देहरा व धर्मशाला को इस मुद्दे पर बांटने की राजनीति भाजपा करती आई है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल यूनिवर्सिटी का धौलाधार कैम्पस धर्मशाला में बनना तय हुआ है, जबकि ब्यास कैंपस देहरा में बनेगा। पर दोनों स्थानों पर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के नाम जमीन स्थानांतरण होने के उपरान्त ही निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा। सूद ने कहा की सेंट्रल यूनिवर्सिटी के नाम धर्मशाला क्षेत्र की भूमि स्थानांतरित करना प्रदेश सरकार के गले की हड्डी बना हुआ है। सपन सूद ने केंद्रीय वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर पर इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रहार करते हुए कहा की केंद्रीय मंत्री को धर्मशाला की भूमि की स्थिति को लेकर प्रदेश की जनता के मध्य अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। सूद ने कहा की सेंट्रल यूनिवर्सिटी की स्थापना को लेकर लोकसभा चुनावों के दौरान तत्कालीन सूचना व प्रसारण मंत्री प्रकाश जावेड़कर से झूठा शिलान्यास करवा कर क्षेत्र की जनता से राजनीतिक छल किया है। उन्होंने कहा की छल-कपट की राजनीति से वोट लेने में माहिर भाजपा ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी की स्थापना को राजनीतिक खेल बना रखा है।
शिमला :स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने आज बताया कि गत सप्ताह में प्रदेश में कोविड-19 पाॅजिटिविटी मामलों की दर 2.4 प्रतिशत दर्ज की गई है। 7 जून से 13 जून, 2021 तक कोविड के कुल 3451 मामले पाए गए है। उन्होंने कहा कि गत सप्ताह राज्य में 142357 कोविड जांच की गई, जो कि एक सप्ताह की अवधि में किए गए परीक्षणों में अभी तक सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिला में 170 पाॅजिटिव मामले सामने आए है और पाॅजिटिविटी दर 1.7 प्रतिशत रही है। चंबा में 410 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 4.2 प्रतिशत, हमीरपुर में 223 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 2.1 प्रतिशत, कांगड़ा में 723 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 2.6 प्रतिशत, किन्नौर में 87 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 4 प्रतिशत, कुल्लू में 165 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 1.9 प्रतिशत, लाहौल स्पीति में 47 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 1.3 प्रतिशत, मंडी में 602 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 2.1 प्रतिशत, शिमला में 336 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 3.1 प्रतिशत, सिरमौर में 218 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 2.7 प्रतिशत, सोलन में 220 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 2.4 प्रतिशत और ऊना में 250 पाॅजिटिव मामले और पाॅजिटिविटी दर 1.9 प्रतिशत रही है।
देहरा :उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पुलिस थाना खुण्डिया के तहत ग्राम पंचायत घरना में बुजुर्ग व्यक्ति की लाश मिलने की जानकारी मिली है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत प्रधान घरना से थाना खुण्डिया को सूचना प्राप्त हुई कि लंघा में शराब की दुकान के नीचे (ग्राउंड) फ्लोर के कमरे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला है। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर उक्त स्थान पर पहुंची ओर शव को कब्जे में ले लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा-ज्वालामुखी अंकित शर्मा ने बताया कि एक अज्ञात बुजुर्ग की लाश मिली है जिसकी उम्र लगभग 65-70 वर्ष के बीच लग रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर देहरा सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम हेतु भेज दिया है वहीं जांच पड़ताल के उपरांत पुलिस द्वारा 174 सीआरपीसी की कार्यवाही अमल में लाई गई है ।
सुजानपुर: कोरोना काल में सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा के मार्गदर्शन में सर्वकल्याणाकारी संस्था व ब्लॉक कांग्रेस दिन-रात एक कर बखूबी पूरा कर रहे हैं। सोमवार को भी विधायक राजेंद्र राणा के निर्देश पर संस्था व पार्टी पदाधिकारियों द्वारा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मति टीहरा के गांव डोडरू निवासी जुल्फी राम को आक्सीजन कंसन्ट्रेटर उपलब्ध करवाया, जिसकी सलाह चिकित्सकों ने उन्हें दी थी तथा संबंधित व्यक्ति के परिवार ने विधायक राजेंद्र राणा को इससे अवगत करवाया। संस्था के जिलाध्यक्ष लेखराज ठाकुर ने बताया कि महामारी में संकट की ऐसी घड़ी किसी के ऊपर भी आ सकती है, लेकिन हमें घबराना नहीं है तथा इसे मिलजुलकर एक परिवार की तरह लड़कर इसे हराना है। उन्होंने कहा कि विधायक राजेंद्र राणा के दिशानिर्देशानुसार संस्था व पार्टी कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तर से रोजाना ऐसे लोगों की जानकारी ले रहे हैं तथा जरूरत के मुताबिक सहायता दी जा रही है। इस दौरान उनके साथ संस्था व पार्टी के महासचिव डा. अशोक राणा, पूर्व बीडीसी मेंबर कृष्ण, सर्व कल्याणकारी संस्था के युवा विंग के ब्लॉक सुजानपुर के अध्यक्ष रजत कुमार और अन्य लोग भी मौजूद रहे ।
शिमला :एसजेवीएन ने अपनी सौर, पवन, हाईब्रिड (पवन एवं सौर) तथा हाइब्रिड (पवन, सौर एवं बैटरी स्टोरेज) ऊर्जा परियोजनाओं के विकास के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ विंड एनर्जी (एनआईडब्ल्यूई) से तकनीकी परामर्शी सेवाओं को प्रदान करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एनआईडब्ल्यूई सौर, पवन, मिश्रित (पवन एवं सौर) तथा मिश्रित (पवन, सौर एवं बैटरी स्टोरेज) ऊर्जा परियोजनाओं की संभाव्यता तथा तकनीकी व्यवसायिक पक्षों के मूल्यांकन तथा विभिन्न परियोजनाओं की संकल्पना से लेकर कमिशनिंग तक के सभी संबंधित पक्षों को शामिल करते हुए विस्तृत परियोजना रिपोर्टें, लागत अनुमान तथा बोली दस्तावेजों की तैयार करने में एसजेवीएन को सहयोग देगा। इस अवसर परएसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नन्द लाल शर्मा ने कहा कि भारत सरकार 2022 तक 175 गीगाबाइट तथा 2030 तक 450 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता की स्थापना करने के लक्ष्य पर चल रही है और इस परिप्रेक्ष्य में एसजेवीएन तथा एनआईडब्ल्यूई के संयुक्त प्रयासों से इस लक्ष्य को प्राप्त करने और हमारे राष्ट्र को अबाधित बिजली उपलब्ध कराने के लक्ष्य की प्राप्ति में तेजी आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इन प्रयासों से एसजेवीएन के सन 2040 तक 25000 मेगावाट कंपनी बनने के सांझे विज़न को पूरा किया जा सकेगा।
दाड़लाघाट :ग्राम पंचायत बरायली की बनिया देवी महिला मंडल बुडम की प्रधान रेणु ठाकुर की अध्यक्षता में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान बनिया देवी महिला मंडल की प्रधान रेणु ठाकुर ने बनिया देवी महिला मंडल की सदस्यों को जागरूक किया। इस मौके पर बनिया देवी महिला मंडल द्वारा जलस्रोत तथा आसपास की सफाई की और कचरे को एकत्र कर उसका निष्पादन किया। इस अवसर पर महिला मंडल की प्रधान रेणु ठाकुर, उपप्रधान उर्मिला, कोषाध्यक्ष मोनू, प्रेमलता, लीलावती, सीता चंदेल, लता चंदेल, मीरा चंदेल, गोदावरी, हेमा, सत्या, सुनीता, धनवंती, रीना ठाकुर सहित अन्य महिलाएं मौजूद रही।
शिमला :प्रदेश में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए, सरकार ने राज्य में प्रवेश करने के लिए आरटीपीसीआर आवश्यकता की शर्त को हटा दिया है, लेकिन साथ ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार द्वारा निर्धारित मानदंडों का उल्लंघन करने की किसी को अनुमति नहीं दी गई है। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां इलेक्ट्राॅनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करते हुए कही। जय राम ठाकुर ने कहा कि पूरे देश में अन्तरराज्यीय आवाजाही की अनुमति दी गई है और हिमाचल प्रदेश ने यह भी निर्णय लिया है कि राज्य में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए कोविड ई-पास साॅफ्टवेयर में पंजीकरण के माध्यम से निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रवेश करने के इच्छुक सभी व्यक्तियों को अब इस आॅनलाइन साॅफ्टवेयर में अपना विवरण दर्ज करना आवश्यक है और उनके आगमन का विवरण सभी संबंधित हितधारकों के साथ सांझा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होटल व्यवसायियों को राज्य सरकार द्वारा जारी मानक संचालन प्रणाली का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पर्यटकों से सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और फेसमास्क पहनने व परस्पर दूरी के नियम के अनुपालन का भी आग्रह किया। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में टीकाकरण अभियान सुचारू रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लोगों को वैक्सीन की लगभग 25.17 लाख खुराकें लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान को समय पर पूरा करने के प्रयास जारी हैं।
देहरा: हरिपुर व्यापार मंडल के व्यापारियों द्वारा सोमवार को प्रधान अतुल महाजन की अगुवाई में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को नायब तहसीलदार हरिपुर राजिंदर कुमार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। वहीं व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि नई बनी तहसील नगरोटा सूरियां के लिये हरिपुर तहसील के किसी भी पटवार सर्कल से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए। बीते कुछ दिनों पहले कुछ बाशिंदों द्वारा नायब तहसीलदार नगरोटा सूरियां के माध्यम से हरिपुर तहसील की 10 पंचायतों को नगरोटा सूरियां में शामिल करने के लिए एक ज्ञापन सौंपा गया था। वहीं अध्यक्ष अतुल महाजन ने कहा कि नगरोटा सूरियां तहसील बनने से उन्हें कोई भी ऐतराज नहीं है। परन्तु यह तहसील ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत बनाई गई है तो इसमें सिर्फ ज्वाली के पटवार सर्कल को ही जोड़ा जाए। अगर देहरा विधानसभा के तहत हरिपुर तहसील के पटवार सर्कल से कोई भी छेड़छाड़ की गई तो उन्हें मजबूरन संघर्ष का तरीका अपनाना पड़ेगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल हरिपुर के प्रधान अतुल महाजन, पूर्व प्रधान देश राज, योगेश रैना, अरविंद शर्मा, संदीप शर्मा, प्रवीण कुमार, पूर्व जिला परिषद सदस्या ज्योति वाला, लकी, गगन , सनक कुमार, तथा विजेंदर सिंह गुलेरिया मौजूद रहे।
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक संजय रतन ने कहा कि कोरोना काल की महामारी में इस समय अधिकतर दुकानदारों के व्यवसाय कई महीनों से पूरी तरह से बंद पड़े हुए है।इससे दिन प्रतिदिन दुकानदारों पर किराए का बोझ बढ़ गया है। इस गंभीर समस्या से दुकानदार परेशानी में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश के सभी नगर निकायों में किराएदार दुकानदारों से किराए वसूल करते समय जीएसटी व देरी से किराया देने के ऊपर लगी पेनल्टी को माफ़ करना चाहिए, ताकि दुकानदार को राहत मिले। उन्होने मांग की है कि हिमाचल प्रदेश में सभी नागरिकों पर लगे हाउस टैक्स को कोरोना काल के चलते हुए माफ़ करना चाहिए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की कोई कठनाई ना हो।
कुनिहार : शिव ताण्डव गुफा विकास समिति कुनिहार के अध्यक्ष रामरतन तनवर के पिता राम दयाल तनवर का रविवार शाम देहान्त हो गया। अपने ग्रह क्षेत्र गांव कोठी में उन्होंने अंतिम सांस ली।वे कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके देहान्त पर सम्भव चैरिटबल सोसायटी की संयोजिका प्रतिभा कंवर,गुफा विकास समिति के उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर,सचिव गोपाल कृष्ण शर्मा,गुमान,साहिल,हरिकृष्ण,चमन लाल मल्होत्रा,अमन मल्होत्रा,दीपक अरोड़ा,राम सिंह,विनोद सहित सभी समिति सदस्यों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति व पीड़ित परिवार को इस दुख को सहन करने की भगवान से प्रार्थना की है।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में एक 17 वर्षीय लड़की द्वारा गलती से जहरीला पदार्थ खाने का मामला प्रकाश में आया है। एक नाबालिग लड़की जिसकी उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है। गलती से जहरीले पदार्थ को खाने के उपरांत उसकी हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल ज्वालामुखी लाया गया।सुचने मिलते ही पुलिस तुरंत सिविल अस्पताल पहुँचीव् पाया की उक्त 17 वर्षीय युवती निवासी गांव मतियाल डाकघर सिहोरपाई को सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में गंभीर स्थिति में लाया गया था और एमओ सिविल ज्वालामुखी के अनुसार युवती कोई भी ब्यान देने लायक नहीं है। चिकिस्तकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाबालिग लड़की को आगामी इलाज हेतु टांडा मेडिकल अस्पताल रैफर कर दिया है।मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ ज्वालामुखी जीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले पर कार्यवाही कर रही है। वहीं बताया कि उक्त युवती की माँ ने अपने बयान में कहा है कि उनकी बेटी ने कोई गलती से जहरीली दवाई खा ली है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश रह रही है।
शिमला: कोरोना संकट से विश्व भर में कोई भी अछूता नहीं है, इसके चलते इस बार फिर सोलन जिला के अर्की उपमंडल के बाड़ी धार में होने वाला "बाड़ी मेला" नही होगा। कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते मेलों के आयोजन को रद्द कर दिया गया है। बता दें कि बाड़ा देव पांच पांडव अर्की उपमंडल के ही नही अपितु पूरे प्रदेश और देश के आराध्य देव माने जाते है और इन्हें पाँच पाण्डव बाड़ादेव के नाम से पूरे प्रदेश में जाना जाता है। इस वार्षिक मेले के साथ प्रदेश के लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है और हर वर्ष इन मेलों में लोगों का भारी हुजूम उमड़ता है, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते सरकार ने जो दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उसके तहत ऐसे किसी भी आयोजन को नहीं किया जा सकता जहां पर बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठी होनी हो। कोरोना वैश्विक महामारी के चलते हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों के बंद रखने के दृष्टिगत बाड़ादेव पाँच पाण्डव मंदिर समिति सरयांज बाड़ीधार व ग्राम पंचायत सरयांज के संयुक्त तत्वाविधान में यह निर्णय लिया गया है कि इस वर्ष दिनांक 15 जून , 2021 को बाड़ीधार में होने वाले धार्मिक मेले का आयोजन नहीं किया जाएगा। यह निर्णय कोरोना महामारी के दृष्टिगत हिमाचल सरकार के दिशा - निर्देशों के अनुरूप लिया गया है। बाड़ादेव पांच पाण्डव मन्दिर समिति ने लिखित में प्रशासन को दिया है कि कोरोना महामारी के चलते इस बार मेला आयोजित नहीं होगा। बाड़ादेव मन्दिर समिति प्रदेश के सभी श्रद्धालुओं से अपील करती है कि सभी अपने घरों में ही रहे एवं घर से ही पूजा - अर्चना करें व सरकार के दिशा - निर्देशों का पालन करें।
कोरोना महामारी के दौरान देश भर में बढ़ी गरीबी, बेरोजगारी व तंगहाली पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने चिंता जताई है। राणा ने कहा कि देश वर्तमान में बड़े आर्थिक संकट से गुजर रहा है। ऐसे समय में हमें भविष्य को देखते हुए रणनीति बनानी होगी। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राजेंद्र राणा ने कहा की सरकार को वैश्विक समस्याओं सहित बेरोजगारी व आर्थिक समस्याओं से निपटने के लिए अहंकार व भेदभाव छोड़कर सोच बदलनी होगी। राणा ने कहा कि कोरोना काल में हजारों बच्चे अनाथ हुए हैं, जबकि इससे पहले अन्य रोगों व विभिन्न कारणों से अभिभावकों को खोने के कारण अनाथ बच्चों की संख्या भी लाखों-करोड़ों में है। वहीं लाखों लोगों का रोजगार छिन जाने से उन्हें रोजी-रोटी के लिए तरस रहे हैं। ऐसी भयानक स्थिति में इन परिवारों व उनके बच्चों के हित में नीति बनाई जानी जरूरी है। कहीं ऐसा न हो कि भुखमरी का शिकार बनकर बच्चे परिवार को आर्थिक संबल बनाने के लिए बाल श्रम के गर्त में गुम हो जाएं। राणा ने चिंता जताई है कि बाल श्रम में पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 10 बच्चों में से एक बच्चा हमारे देश का है। वर्ष 2011 के संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन की रिपोर्ट के अनुसार भारत में 1 करोड़ से ज्यादा बच्चे बाल श्रम से जुड़े हैं जोकि शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वे में खुलासा हुआ है कि राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों व व्यवसायिक कोर्सों में कन्याओं की कम संख्या भी कम हुई है तो उच्च शिक्षा के लिए बच्चों की संख्या में इजाफा तो हुआ है, लेकिन उनके अनुपात में शिक्षकों की संख्या बहुत कम हो गई है। देश के भावी भविष्य को देखते हुए इस पर भी आत्ममंथन की जरूरत है। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि इस समय कोरोना महामारी सबसे बड़ी आपदा है, जिसे जड़ से खत्म करने के लिए बड़े स्तर पर नीति निर्धारण करने की जरूरत है, लेकिन इस मामले में भी वाहवाही लूटी जा रही है, जबकि कोई नीति स्पष्ट नहीं हो रही है। अगर महामारी से सही नियोजित नीति के तहत न निपटा गया तो गरीबी, बेरोजगारी आदि मसले हल कैसे होंगे। इसके लिए एम्स व कोरोना संबंधी राष्ट्रीय कार्यबल द्वारा बड़े पैमाने पर अंधाधुंध व अपूर्ण टीकाकरण पर दिए गए सुझावों पर केंद्र सरकार को अमल करना चाहिए, ताकि वैक्सीन की कमी भी न हो और टीकाकरण भी बेहद सरल तरीके से हो सके।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने विभिन्न छात्र मांगो को लेकर यूआईआईटी निदेशक डॉ पी एल शर्मा का घेराव किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ए ग्रेड शिक्षण संस्थान है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के यूआईआइटी में इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सिविल, आईटी, सीएसई ट्रेडस में बीटेक कोर्स है जिसमें 1000 के करीब छात्र छात्राएं एक सुनहरे भविष्य की सोच लेकर पढ़ाई करते हैं। लेकिन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण आज इन्हीं छात्रों के सपनों पर पानी फिरता नज़र आ रहा है। ज्ञात हो कि यूं तो बीटेक के पहले, तीसरे, पांचवे व सातवें सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर में होनी थी, कोविड महामारी के चलते ये परीक्षाएं अप्रैल में होनी थी लेकिन महामारी के चलते ये परीक्षाएं नहीं हो पाई। इकाई सचिव आकाश नेगी ने कहा कि पिछले सप्ताह ही अभाविप ने छात्र मांगो को लेकर यूआईटी निदेशक को ज्ञापन सौंपा था लेकिन बावजूद इसके यूआईटी प्रशासन द्वारा छात्र हितों में कोई फैसला नहीं लिया गया। आकाश नेगी ने कहा कि कोविड महामारी के चलते बहुत लोगों ने अपनी नौकरी से हाथ धोया है और आर्थिक तंगी झेल रहे हैं, साथ ही साथ बहुत से छात्रों ने अपने स्वजनों को भी महामारी के दौरान खोया है, ऐसे में कम समय में 48000 की फीस जमा करवाने में छात्र असमर्थ हैं। इसलिए अभाविप का मत है कि छात्रों को फीस जमा करने हेतु अतिरिक्त समय दिया जाए। लेकिन बेसुध यूआईटी प्रशासन छात्र हितों को दरकिनार करते हुए कोई भी फैंसला इस बारे में अब तक नहीं ले पाया है। जहां फीस जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून है साथ ही साथ देरी से फीस जमा करने पर 1000 से लेकर 5000 तो का जुर्माना भी है जो वर्तमान संदर्भ में व्यवहारिक नहीं है। साथ ही साथ आकाश नेगी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन अन्य संस्थानों की तर्ज पर पहले, तीसरे, पांचवे व सातवें सत्र की परीक्षा ऑनलाइन करवाए या असाइनमेंट लेकर मूल्याकन करे या फिर ओपन बुक परीक्षा करवाए ताकि छात्रों पर अतिरिक्त तनाव न बढ़े। कोविड महामारी के दौरान अनेक परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं ऐसे में इतने कम समय में फीस जमा करने का फैंसला गलत है। अतः फीस जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए तथा छात्रों से सिर्फ ट्यूशन फीस ही ली जाए। इन्हीं सभी मुद्दों को लेकर अभाविप ने यूआईटी निदेशक का घेराव किया और फीस जमा करने की अंतिम तिथि बचाने को लेकर 15 जून दोपहर 12 बजे तक का अल्टिमेटम दिया। यदि यूआईटी प्रशासन जल्द फीस जमा करने की अंतिम तिथि नहीं बढ़ता तो अभाविप अपने आंदोलन को और तेज करेगी ।
निर्वासित तिब्बती सरकार के शिमला की मुख्य प्रतिनिधि अधिकारी तेन्जिन नावंग ने निर्वासित तिब्बती सरकार के राष्ट्रपति पेंपा सेरिंग की ओर से मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को एक पत्र प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री को संबोधित किए गए इस पत्र में राष्ट्रपति ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और महामहिम दलाई लामा व तिब्बती लोगों को घर के समान परिवेश प्रदान करने के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। शिमला की मुख्य प्रतिनिधि अधिकारी की कार्यालय सचिव सेरिंग छोज़ोम भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
कोरोना संक्रमण संकट काल में प्रगतिशील किसान नन्दलाल ने उत्तम खेती, मध्यम बान: निकृष्ट चाकरी, भीख निदान को चरितार्थ करते हुए पुश्तैनी व्यवसाय खेतीबाड़ी को आगे बढ़ाते हुए शिमला के नजदीक शोघी के थड़ी पंचायत के शलोेग गांव के प्रगतिशील किसान नंदलाल वैश्विक महामारी के चलते भी वर्तमान में अनेक प्रकार की फसलें व सब्जियां पैदा कर खेतीबाड़ी के माध्यम से गिरती हुई अर्थव्यवस्था में भी लोगों को सब्जी व फलों की उपलब्धता के साथ-साथ अपने परिवार की आर्थिकी को सुदृढ़ करने में सतत् रूप से सक्रिय है। नंदलाल वर्मा ने अपनी अथक मेहनत, प्रयत्न व परिश्रम से कृषि क्षेत्र में विभिन्न नकदी फसलों की उपज कर न सिर्फ एक ठोस आय अर्जित की है बल्कि अपने प्रयासों से अन्य कृषकों को खेतीबाड़ी के लिए प्रेरित करने के लिए अनुकरणीय उदाहरण भी पैदा किए है। नंदलाल वर्मा बताते है कि उन्होंने पुश्तेनी खेतीबाड़ी को पारम्परिक खेती के तरीकों से इत्तर नई तकनीक को अपनाते हुए विभिन्न फसलों के उत्पादन की ओर अपने श्रम को अग्रसर किया। उन्होंने बताया कि इस निर्णय का मूल उद्देश्य साल में विभिन्न फसलों के माध्यम से निरन्तर आर्थिक मुनाफा अर्जित करना था। उन्होंने कार्य को आगे बढ़ाते हुए नकदी फसलें उगाने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों के सहयोग से पाॅलिहाउस लगाया, जिसके लिए विभाग की ओर से 80 प्रतिशत उपदान दिया गया। उन्होंने नकदी फसलें उगाने के लिए सिंचाई की आवश्यकता अनुरूप एक बड़े टैंक का निर्माण भी किया, जिसमें विभाग द्वारा 70 हजार रुपये का उपदान दिया गया। बड़े उन्मुक्त भाव से वो बताते है कि उनके पास लगभग 10 बीघे सिंचाई योग्य जमीन है, जिसमें वर्तमान में शिमला मिर्च, टमाटर, आलू, फूल गोभी की फसल लगा रखी है। साल में अलग-अलग प्रकार की फसलों को उगाने के फलस्वरूप सभी फसलों को बेच कर सालाना 6 लाख रुपये से अधिक की आमदनी नंदलाल अर्जित करते हैं। खुमानी, आड़ू, नाशपति के पौधे भी लगाए नंदलाल वर्मा बताते है कि नकदी फसलों के अतिरिक्त खुमानी, आडू, पलम, नाशपती, स्ट्राॅबैरी, अंजीर, सेब के पौधे भी लगाए हैं, जिससे आमदनी आरम्भ हो चुकी है। वर्षा जल संग्रहण के तहत इनके द्वारा पानी एकत्र करने के लिए इन्होंने 50 हजार लीटर का एक बड़ा टैंक निर्मित किया है, 6 फुट गहरे इस टैंक के माध्यम से पौधों की सिंचाई की जाती है। इसके अतिरिक्त खेत में 35 फुट लम्बा एक अन्य पानी के टैंक का निर्माण भी सरकार की योजना के तहत किया गया है, जिससे खेतों को सिंचित करने की प्रक्रिया की जाती है। नंदलाल वर्मा सहज भाव से बताते है कि उन्हें सब्जी व फलों को कोरोना संक्रमण संकटकाल में बेचने के लिए कहीं भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उन्होंने बताया कि जब शिमला मिर्च की पैदावार हुई तो खरीददार स्वयं खेत तक पहुंचे। आलू की फसल को लेने के लिए भी लोग खेतों में आने लगे। उन्होंने बताया कि कोरोना संकटकाल में भी खेती के कार्य ने उन्हें किसी भी आर्थिक संकट का सामना नहीं करने दिया। आज के दौर में भी वो बड़े हर्ष के साथ कहते है कि कृषि कार्य सच में हमारे समाज में सर्वोत्तम कार्य है और उत्तम खेती, मध्यम बान: निकृष्ट चाकरी, भीख निदान को खेती आज भी चरितार्थ करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को साईकल चलानी नहीं आती। जब वे महंगाई के खिलाफ साईकल प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए साईकल पर बैठे तो सहारे की जरुरत पड़ गई। ऐसे में भाजपा और विरोधियों को मौका मिल गया। पर देखने वाली बात ये है कि असहजता के साथ ही सही सबके सहयोग से राठौर ने साईकल भी बैलेंस कर ली और संगठन भी चल ही रहा है। अच्छी बात ये है कि उन्हें गिराने की कोशिश करने वाले कम ही दिखते है।
कोरोना कर्फ्यू में ढील के बाद प्रदेश में रविवार को हज़ारों सैलानियों ने हिमाचल का रुख किया। वीकेंड पर सोलन के चायल में 80, शिमला और डलहौजी में 30 फीसदी होटल पैक हो गए हैं। मनाली में ऑक्यूपेंसी 10 फीसदी रही। इससे होटल कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। मनाली में सोमवार को 2500 होटलों में से 50 फीसदी होटल खुलने का अनुमान था, लेकिन रोहतांग दर्रा पर्यटकों के बहाल होने के कारण 500 होटल रविवार को ही खुल गए। हिमाचल में सरकारी और निजी करीब 20 हजार होटल हैं। इनमें चार पंजीकृत, 6 हजार गैर पंजीकृत और 10 हजार होम स्टे और ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट इकाइयां हैं। गौरतलब है कि सोलन जिले में रविवार को एक दिन में 4500 वाहनों ने किया प्रवेश। कांगड़ा जिले के बॉडरों से 227 लोगों ने आवागमन किया। बिलासपुर के स्वारघाट बॉर्डर से 1704 पर्यटकों ने प्रवेश किया। पांवटा बैरियर से रविवार को 646 लोगों ने प्रवेश किया। हालांकि, सूबे के प्रवेश द्वारों पर वाहनों की चेकिंग के दौरान ज्यादा सख्ती भी नहीं दिखाई गई।
प्रदेश में वैश्विक महामारी कोरोना की दूसरी लहर के चलते बंद पड़ी बस सेवा करीब 34 दिन के बाद 14 जून यानि आज से शुरू हो गई है। जिला मुख्यालय ऊना से HRTC के करीब 20 रूट सोमवार को सुचारू कर दिए गए है। जिनमें से कुछ रूट प्रदेश के अन्य जिलों के लिए होंगे जबकि ज्यादातर रूट जिला के ही अंदर के गांव के लिए शुरू किए गए है। बस सेवा बेहाल करने के लिए विभाग द्वारा कमर कास ली गई है। एचआरटीसी की कार्यशाला में पहले दिन रुट पर जाने वाली बसों को सैनिटाइज किया गया है। कोरोना कर्फ्यू के अनलॉक के तहत प्रदेश सरकार द्वारा SOP के तहत राज्य के भीतर करीब 34 दिन बाद बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
प्रदेश में आज 25 हज़ार 951 लोगों को वैक्सीन कि डोज़ दी जाएगी। इसके लिए हिमाचल सरकार ने प्रदेश में 266 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए है। इन सभी टीकाकरण केंद्रों में टीका लगवाने के लिए 12 जून को स्लॉट बुक कर दिया गया था। गौरतलब है कि प्रदेश में पहले वैक्सीनेशन के लिए स्लॉट बुकिंग का समय 2:50 से 3:00 बजे का था जोकि अब बदल कर दोपहर 12 बजे कर दिया गया है। वैक्सीनेशन के लिए सभी सेशन एक दिन पहले बुक किए जाएगा। राज्य सरकार द्वारा सीरम इंस्टीट्यूट पुणे से 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग के लिए खरीदी गई वैक्सीन कि खेप हिमाचल पहुंच गई है। हिमाचल पहुंची वैक्सीन की सभी खुराकें 21 जून से पहले 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग को लगाई जानी है। इसके बाद 18 वर्ष व इससे अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों के लिए टीकाकरण का चौथा चरण भारत सरकार से वैक्सीन की आपूर्ति होने के बाद शुरू किया जाएगा। प्रदेश में इस आयु वर्ग के लाभार्थियों के लिए टीकाकरण सत्र 14, 15, 16, 17 और 18 जून को होंगे।
बीते शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में जयराम सरकार ने परिवहन सेवा को हर झंडी दिखा दी थी। जिसके बाद आज सुबह 6 बजे से हिमाचल प्रदेश में बसों का संचालन शुरू हो गया। बरहाल परिवहन निगम केवल 1004 रूटों पर अपनी बसों का संचालन करेगा। बता दें कि कोरोना कर्फ्यू की बंदिशे परिवहन सेवा पर लागू नहीं होगी। वंही, बसों में सवारियों की डिमांड के अनुसार निगम रूटों की संख्या को बढ़ाएगा। कैबिनेट के फैसले के अनुसार आज से बाजारों में सुबह नौ से शाम पांच बजे तक रौनक रहेगी। सभी तरह की दुकानें सोमवार से शुक्रवार तक खुलेंगी। सरकारी कार्यालय भी सोमवार से शुक्रवार तक 50 फीसदी स्टाफ के साथ काम करेंगे। शनिवार और रविवार को सिर्फ जरूरी सामान की दुकानें खुलेंगी। टैक्सी व मैक्सी में व निजी वाहन सौ फीसदी सवारियों के साथ चल सकेंगे। गौरतलब है कि प्रदेश में शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे तक कोरोना कर्फ्यू जारी रहेगा। उधर, कोरोना कर्फ्यू में ढील के बाद हिमाचल तीन हजार से ज्यादा होटलों के ताले भी खुल गए हैं। राज्य में दाखिल होने वाले देश के किसी भी राज्य के पर्यटक को कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट नहीं लानी होगी। पर्टकों को केवल प्रदेश में प्रवेश के लिए कोविड-19 ई पास पोर्टल पर पंजीकरण जरूर कराना होगा। उसे देखने के बाद ही सीमा पर तैनात पुलिस पर्यटकों को प्रवेश करने देगी।
शिमला :भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रदेश सरकार द्वारा समयबद्ध लिए गए कोरोना कर्फ्यू जैसे उचित निर्णयों के कारण प्रदेश में कोरोना मामलो में दिन-प्रतिदिन गिरावट आ रही है जोकि प्रदेश की जनता के लिए सुखद समाचार है। अब परिस्थितियां पुनः सामान्य हो रही है । भाजपा ने इस कोविड-19 संकट काल के समय सेवा ही संगठन भाग 2 के अंतर्गत उत्तम कार्य किया है। सभी कार्यकर्ताओं ने निष्ठा पूर्वक बूथ स्तर तक जनसेवा का काम किया है। भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, भाजपा मोर्चाें एवं प्रकोष्ठों सभी ने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक अपनी अपनी भूमिका निभाई है। सुरेश कश्यप ने कहा कि सेवा ही संगठन कार्य की समीक्षा एवं आगामी कार्य योजना हेतु 15, 16 एवं 17 जून को भाजपा अपने पूर्व में किए गए कार्यों की समीक्षा और आगामी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा होटल पीटरहाॅफ में करेगी। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन भाग 2 की समीक्षाओं के लिए भाजपा की छोटी बैठकें 15 जून 2021 मंगलवार को शिमला के होटल पीटरहॉफ में प्रारंभ होने जा रही है। इन बैठकों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केंद्रीय वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। सभी विशिष्ट नेतागण 15 जून को पीटरहॉफ पहुंचेंगे और पहली बैठक शाम 4.00 बजे प्रारंभ होगी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि 16 जून को प्रथम बैठक 9.00 बजे प्रारंभ होगी उसके उपरांत शाम 4.00 बजे 2017 विधानसभा चुनावों में प्रत्याशियों के साथ बैठक की जाएगी इसी दिन शाम 7.00 बजे भाजपा के सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों के साथ बैठक होगी उन्होंने बताया कि इसी प्रकार 17 जून को प्रथम बैठक प्रातः 9.00 बजे प्रारंभ होंगी जिसमें सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री भाग लेंगे उसके उपरांत 11.00 बजे सभी संसदीय क्षेत्र जिला एवं मोर्चों के प्रभारियों के साथ बैठक की जाएगी दोपहर 2.30 बजे बोर्ड निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों के साथ बैठक होगी शाम 4.30 बजे जिला शिमला की बैठक की जाएगी। केन्द्रीय अधिकारी सेवा ही संगठन भाग-2 लोकर आगामी योजनाओं पर चिंतन एवं मंथन करेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में सेवा ही संगठन भाग 2 के अंतर्गत किए गए सेवा कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को कोविड महामारी के संक्रमण से बचाया जा सके। उन्होनें कहा कि इन बैठकों में कोविड नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश वर्चुअल माध्यम से कार्यसमिति, जिला एवं मण्डलों की कार्यसमिति एवं प्रशिक्षण वर्ग आगामी समय में आयोजित किए जाएंगे जिसकी रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।
शिमला: स्वास्थ्य विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां कहा कि कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर से निपटने के लिए कार्य योजना बनाने हेतू राज्य सरकार ने निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा की अध्यक्षता में समिति का गठन किया है। उन्होंने कहा कि यह समिति डेटा विश्लेषण, अन्य राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के अनुभवों और कोविड-19 की अगली लहर से निपटने के लिए योजना तैयार करने तथा इस वायरस के बदलते स्वरूप को देखते हुए परामर्श देगी। उन्होंने कहा कि यह समिति वर्तमान स्थिति का आंकलन करने के बाद कोविड-19 की तीसरी लहर के लिए कार्य योजना शीघ्र प्रस्तुत करेगी। यह समिति राज्य में अस्पताल अधोसरंचना को सुदृढ़ करने, ऑक्सीजन और दवाओं की आपूर्ति जैसी स्वास्थ्य आवश्यकताओं के बारे में अनुमान प्रस्तुत करेगी। यह समिति बच्चों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आइसोलेशन बिस्तरों, ऑक्सीजनयुक्त बिस्तरों, आईसीयू बिस्तरों और वेंटिलेटर्ज की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए भी कार्य योजना प्रस्तुत करेगी ताकि कोविड-19 महामारी से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके। प्रवक्ता ने कहा कि विभाग तीसरी लहर के प्रबंधन तथा इसके प्रभाव कोक म करने के लिए रणनीति तैयार करने पर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय लिया गया है कि सुविधाएं अग्रिम रूप में चिन्हित की जाएगी ताकि विभिन्न स्तरों पर मामलों के बढ़ने की स्थिति में यह फैसला लिया जा सके कि किस क्षेत्र में किस अस्पताल को सक्रिय किया जाना है। उन्होंने कहा कि समिति तीसरी लहर के दौरान आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर आॅक्सीजन और महत्वपूर्ण दवाएं जैसे टाॅकलिजुमैब, रेमडेसिविर आदि की आपूर्ति प्रबन्धन के लिए परामर्श देगी।
शिमला : स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने आज कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट पुणे से 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग के लिए राज्य सरकार द्वारा खरीदी गई कोविड-19 वैक्सीन की खेप प्रदेश में पहुंच गई है और प्रदेश भर में इस आयु वर्ग के लाभार्थियों के लिए टीकाकरण सत्र 14, 15, 16, 17 और 18 जून, 2021 को आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश पहुंची वैक्सीन की सभी खुराकें 21 जून, 2021 से पहले इस आयु वर्ग के लोगों को लगाई जानी है । इसके बाद 18 वर्ष व इससे अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों के लिए टीकाकरण का चैथा चरण भारत सरकार द्वारा वैक्सीन की आपूर्ति प्राप्त होने के बाद शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग के लाभार्थियों के लिए टीकाकरण सत्र टीकाकरण वाले दिन से दो दिन पूर्व प्रकाशित 2.30 बजे से 3.00 बजे के बीच प्रदर्शित किए जाते थे लेकिन अब वैक्सीन उपलब्ध हो जाने के बाद टीकाकरण सत्र 15, 16, 17 और 18 जून, 2021 को टीकाकरण वाले दिन से एक दिन पूर्व दोपहर 12 से 1 बजे तक प्रदर्शित किए जाएंगे ताकि सभी पात्र लाभार्थी अपनी अप्वाइंटमेंट शेड्यूल करवा सके। उन्होंने सभी से आग्रह किया है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए लाभार्थी अपनी अप्वाइंटमेंट शेड्यूल होने के बाद ही टीकाकरण केंद्र पर आएं। उन्होंने कहा कि जनजातीय व दुर्गम क्षेत्रों में ही ऑनसाइट पंजीकरण की सुविधा और स्थानीय प्रशासन के निर्णय के अनुसार ही शेड्यूलिंग की अनुमति प्रदान की जाएगी। प्रवक्ता ने कहा कि 14 जून, 2021 को आयोजित किए जाने वाले टीकाकरण के लिए प्रदेश भर में 266 टीकाकरण केंद्र बनाए गए है और 25,951 लोगों ने टीकाकरण के लिए अपने शेड्यूल बुक किए है। उन्होंने सभी लोगों से टीकाकरण केंद्रों में कोविड अनुरूप व्यवहार का पालन करने का आग्रह किया है। प्रवक्ता ने कहा कि 14 जून, 2021 को प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 266 टीकाकरण सत्रों के लिए जिला बिलासपुर में 14 जून, 2021 को 14 सत्र में 1399, चंबा में 19 सत्र में 1718, हमीरपुर में 16 सत्र में 1598, कांगड़ा में 58 सत्र में 5800, किन्नौर में 4 सत्र में 40, कुल्लू में 17 सत्र में 1700, मंडी में 39 सत्र में 3897, शिमला में 33 सत्र में 3300, सिरमौर में 23 सत्र में 2299, सोलन में 24 सत्र में 2400 और ऊना में 18 सत्र में 1800 लोगों ने टीकाकरण के लिए पंजीकरण किया है।
देहरा :शुभम डडवाल पुत्र दलबीर सिंह गाँव लछुं डाकघर बनखंडी सेना मे लेफ्टिनेन्ट के पद पर सलेक्ट हुए है। यह खबर सुनते ही इलाके में खुशी की लहर फैल गई। बता दें कि शुभम ने अपनी प्रार्थमिक पढ़ाई डीएवी बनखंडी से, दसवीं आर्मी स्कूल जोधपुर से तथा बाहरवीं जिएवी काँगड़ा से की उसके बाद उन्होंने आर्मी ज्वाइन कर ली। आर्मी मे रहते हुए उन्होंने एसीसी रिटेन टेस्ट दिया जिसमे वे सफल हुए उसके बाद एसएसबीक्लियर कर चार साल की ट्रेनिंग के बाद उन्हें ये लेफ्टिनेन्ट रैंक हासिल हुआ, अब उनकी पोस्टिंग जोधपुर मे हुई है। शुभम के माता-पिता राजकुमारी तथा दलबीर सिंह से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे की इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं तथा उम्मीद जताई कि वे आगे भी इसी तरह मेहनत करते रहेंगे और देश की सेवा करेंगे। शुभम के भाई अंचल डडवाल ने कहा कि उन्हें अपने भाई पर गर्व है उनके भाई ने इसके लिए बहुत मेहनत की जिनका उन्हें फल मिला साथ ही अंचल ने बताया कि उनके परिवार मे उनके पिता तथा दादाजी सभी ने आर्मी मे रहकर देश की सेवा की है तथा शुभम भी उसी राह पर चलकर देश की सेवा करने के लिए तत्पर है।


















































