शिमला। एसजेवीएन परिसर शिमला में आज रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमे 140 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। इस अवसर पर सीएमडी नंद लाल शर्मा ने अपने संबाेधन में कहा कि समाज की बेहतरी में योगदान देने के लिए एसजेवीएन विभिन्न कल्याणकारी उपाय अपनाता रहा है तथा कोविड-19 महामारी की वर्तमान परिस्थिति में रक्तदान से बेहतर मानवता की सेवा नहीं हो सकती। कोविड-19 के कारण जो पाबन्दियां लागू की गई थीं उससे ब्लड बैंक में रक्त की कमी देखी गई। इस ब्लड डोनेशन कैंप से रोगियों की रक्त की जरूरत को पूरा करने में मदद मिलेगी। रक्तदाताओं के महान प्रयत्नों का सम्मान करने उन्हें प्रशंसास्वरूप एसजेवीएन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
शिमला। देश व प्रदेश में बढ़ रही महंगाई के खिलाफ अब कांग्रेस सड़काें पर उतरेगी। पीसीसी चीफ कुलदीप सिंह राठाैर से हिमाचल और केंद्र सरकार के खिलाफ संघर्ष का बिगुल बजा दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कल 10 मार्च को चौड़ा मैदान स्थित अंबेडकर चौक पर सरकार के खिलाफ एक बड़ी जनसभा करने जा रही है, जिसमे प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। इस जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष सहित सभी कांग्रेस विधायक नेता और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। राठौर ने कहा कि जनसभा में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था व जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा। आज प्रदेश गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है और सरकार को इसकी कोई चिंता नही है। राठौर ने प्रदेश सरकार के बजट को केवल एक औपचारिकता बताते हुए कहा कि इस बजट की न तो कोई दिशा है और न ही इसकी कोई दशा। प्रदेश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था के सुधार को कोई भी पग नही है।बजट में लोगों को कोई राहत भी नही है।
आरपी नेगी, शिमला हिमाचल में सरकार के अधीन चल रहे बाेर्ड और निगम इस वक्त कराेड़ाें के घाटे में हैं। बावजूद इसके सरकार इनके चेयरमैन और वायस चेयरमैन के मानदेय में हर साल चार से पांच कराेड़ रूपए खर्च कर रही है। विधायक जगत सिंह नेगी द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में सीएम के लिए प्राधिकृत जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि यह चिंता का विषय है। उन्हाेंने कहा कि यह प्रथा आज की नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षाें से चल रही है। उन्हाेंने कहा कि वर्मान में 11 निगम और एक बाेर्ड घाटे में है। सबसे अधिक एचआरटीसी जाे 153370 लाख और दूसरे नंबर पर राज्य बिजली बाेर्ड 152059 लाख के घाटे में हैं। निगम और बाेर्ड के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के मानदेय में अब तक यानी तीन साल में 15 कराेड़ से अधिक का खर्चा आंका गया। ये हैं घाटे वाले बाेर्ड/निगम बाेर्ड/निगम घाटा लाख में एचपीटीडीसी 5032.61 हिमऊर्जा 36199 एससी,एसटी निगम 2623.79 अल्पसंख्यक निगम 619.44 एचपीएमसी 11042.24 एचआरटीसी 153370.43 वित्त निगम 15348.29 एचपीएसआईडीसी 936.12 पावर ट्रांसमिशन 10836.88 बिजली बाेर्ड 152059.37
शिमला। स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता 104 वर्षीय श्याम सरण नेगी ने आज कोविड का टीका लगाया। स्वास्थ्य विभाग के जिला निगरानी अधिकारी डाॅ. कविराज के नेतृत्व में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कल्पा में प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी को टीका लगाया गया। टीका लगाने के उपरान्त श्याम सरण नेगी ने कहा कि वे पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं तथा टीका लगाने से कोई भी तकलीफ नहीं हुई है और न ही कोई विपरीत असर पड़ा। उन्होंने देश वासियों से आग्रह किया कि आप सभी अपनी-अपनी बारी आने पर कोविड का टीका अवश्य लगाएं तभी कोरोना महामारी से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि मैने भी आज कोविड टीका लगाया है तथा में पूर्ण रूप से स्वस्थ हूँ। जिला निगरानी अधिकारी डाॅ. कविराज ने बताया कि आज स्वस्थ्य विभाग द्वारा भारत के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरण नेगी को कोविड का टीका लगाया गया है। वे टीका लगाने के उपरान्त पूरी तरह से स्वस्थ हैं। विभाग द्वारा उनका ख्याल रखा जा रहा है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने कहा कि जयराम सरकार का बजट कोरोना जैसे संकट काल में भी आम जनता को राहत देने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि धराशाही हुई अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जयराम सरकार के बजट से जनता को काफी उम्मीद थी। लेकिन वर्तमान बजट से युवा वर्ग, किसान व बागवान, कर्मचारी वर्ग, न्यू पेंशन कर्मचारी वर्ग, पत्रकारों व पर्यटन कारोबारियों को घोर निराशा ही हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि इस बजट से आम जनता चाहे वो पढ़े लिखे बेरोजगार हो या सरकारी कर्मचारी हो या मंहगाई की मार झेल रही घर चलाने वाली गृहणी हो, किसान व बागवान हो सभी को निराशा हाथ लगी है। नेगी ने कहा कि जयराम सरकार ने हिमाचल की आम जनता को पिछले तीन बजट में कुछ नही दिया पिछले एक वर्ष से कोरोना से आई आर्थिक मंदी और बेतहाशा महंगाई की मार झेल रही आम जनता को बजट में कोई राहत नही दी गई हैं। रोजगार के नाम पर ऊंट के मुॅंह में जीरा डालने जैसा है। हिमाचल में सरकारी आंकड़े के अनुसार 8 लाख ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का कोई प्रावधान और पैसा इस बजट में नही दिया गया। भाजपा सरकार ने अपने घोषणा पत्र में हर साल तीस हजार सरकारी और गैर सरकारी नौकरी देने की बात की गई जो कि ऊंट के मुॅंह में जीरे के समान है। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि प्रदेश की सकल घरेलू आय में प्रमुख भूमिका निभाने वाले किसान व बागवानी क्षेत्र की बजट में अनदेखी हुई है। नए सी.ए., स्टोर, प्रोसैसिंग प्लांट के बारे में बजट में कोई प्रावधान नही हैं। प्रदेश की 65 प्रतिशत जनसंख्या का जीवन यापन कृषि और बागवानी पर टिक्का है। सरकार के बजट में इतनी बडी जनसंख्या को कुछ भी खास नही दिया गया। यहाॅ तक कि मोदी सरकार ने किसानों और बागवानों की आय 2022 में दौगुनी करने की बात कही थी अब 9 महीनों में 2022 आने वाला है जिस पर हिमाचल की भाजपा सरकार ने पिछले साढ़े तीन सालों में कुछ नही किया अब जाकर किसानों और बागवानों को बेवकूफ बनाने के लिए एक्सपर्ट ग्रुप के गठन की घोषणा की है ना ही इस बजट में किसानों के लिए एमएसपी का जिक्र किया गया और न ही बागवानी को सुदृढ़ बनाने के लिए कोल्ड स्टोर गुणवक्ता और उतपादकता बढ़ाने के लिए कोई अतिरिक्त धनराशि दी गयी है। नेगी ने कहा कि प्रदेश के सरकारी कर्मचारियो व न्यू पेंशन कर्मचारियो को भी इस बजट से काफी आशा थी लेकिन उन्हें भीे निराशा ही मिली है। इस बजट में प्रदेश के अढ़ाई लाख कर्मचारियों की उम्मीदों पर पानी फिरा है। प्रदेश का एक बड़ा वर्ग अपने परिवार का भरण पोषण सरकारी नौकरी में काम करके करता है, लेकिन सरकार ने कर्मचारियों की अनदेखी करते हुए अपने चुनावी घोषणा पत्र में किये गए वादों को पूरा नही किया गया इस बजट में सरकारी कर्मचारियों का अनुबंध तीन साल से घटाकर दो वर्ष नही किया गया। साथ ही कर्मचारियों की पुरानी मांग यानि कि कर्मचारियों की नियुक्ति की तिथि वरिष्ठता और अनुबंध काल को सेवाकाल से जोड़ने और कर्मचारी वेतनमान 2016 से मांग रहें है और पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने वारे में इस बजट में कुछ नही किया गया। प्रदेश में न्यू पेंशन कर्मचारियों को भी इस बजट से काफी आशाएं थी लेकिन निराशा ही हाथ लगी है और उनकी मांगों पर भी जयराम सरकार ने इस बजट में कोई गौर नही किया।
आरपी नेगी। शिमला दिल्ली में पीएम से लेकर कई केंद्रीय मंत्रियाें से हिमाचल का पक्ष रखने के बाद शिमला लाैटने पर सीएम जयराम ठाकुर ने हिमाचल में भी छठे वेतन आयोग काे लागू करने का संकेत दिया। उन्हाेंने कहा कि पंजाब के बजट में छठे वेतन आयोग को लागू करने के बाद इसे अध्ययन के बाद इस पर लागू करने पर सरकार विचार करेगी। हिमाचल प्रदेश अपने खुद के पे कमीशन पर भी विचार कर रहा है।सदन की कार्यवाही के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र के शीर्ष नेतृत्व से मिलकर प्रदेश के विकास, फाइनेंसियल और विषयों को उनके सामने रखा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी चर्चा हुई है और स्वर्णिम रथ यात्रा के शुभारंभ और 4 हजार करोड़ की 3 परियोजनाओं जिसमें एक परियोजना के उद्घाटन और 2 परियोजना के शिलान्यास होना है उसका प्रधानमंत्री को न्योता दिया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि दिल्ली में केंद्र के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत हुई है। जिसमें हिमाचल के विकास व सहयोग को के लेकर आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान वित्त मंत्री से भी बात हुई है। धर्मशाला के योल कैम्प की समस्या व नाहन की कुछ विकास परियोजना को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 15 अप्रैल को स्वर्णिम रथ यात्रा के सुभारम्भ करने का निमंत्रण दिया है। रेलवे मंत्री से प्रदेश में रेल के विषयों को लेकर बातचीत हुई। गृह मंत्री से मिलकर फारेस्ट क्लेरेंस में लंबित पड़े मामलों को क्लेरेंस करवाने के लिए आभार व्यक्त किया गया है।
आरपी नेगी। शिमला विधानसभा सदन में बजट पर चल रही चर्चा के दाैरान कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने कहा कि राज्य का बजट तारीफाें के पुल बांधने से नहीं हाेता है। उन्होंने कहा कि पिछले साल 49 हजार कराेड़ और इस बार 50 हजार 193 कराेड़ का बजट पेश किया, जाे हिमाचल के लिए कम है। राज्य की हालात काे देखते हुए भाजपा सरकार ने वित्तीय प्रबंधन के लिए काेई भी ठाेस कदम उठाने की बात तक नहीं की। आशा कुमारी ने कहा कि प्रदेश सरकार इस वक्त करीब 85 हजार कराेड़ के ऋण में हैं। उन्हाेंने सत्तापक्ष की और इशारा करते हुए सरकार से पूछा कि आप हिमाचल काे कहां ले जा रहे हैं? इस बीच आशा कुमारी ने जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि आप आजाद आए थे और वहां तक पहुंच गए। यानी आशा कुमारी का कहना था कि आज सदन में मुख्यमंत्री की भूमिका महेंद्र सिंह ठाकुरअपना रहे हैं। उन्हाेंने बढ़ रही महंगाई के लिए प्रदेश और केंद्र दाेनाें सरकाराें काे दाेषी ठहराया।
ग्राम पंचायत दावटी की महिला ग्राम सभा की बैठक प्रधान इंद्रा शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं द्वारा वित्तीय समस्याओं को ग्राम सभा में उठाया। बैठक के उपरांत महिला द्वारा पंचायत व आसपास के परिसर में सफाई की गई। इस अवसर पर उपप्रधान हीरा कौंडल, वार्ड सदस्य बृजलाल, लेख राज, रीता, हेमलता शर्मा, हेमलता, पंचायत समिति सदस्य दीपिका, जगदीश शर्मा, मीना शर्मा व ग्राम रोजगार सेवक मोहनलाल सहित अन्य महिलाएं मौजूद रही।
विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के अंतर्गत दाड़लाघाट ,चण्डी, ग्याणा, कंधर, भराडीघाट, नवगांव, धुन्दन के उपभोक्ताओं को लंबित बिल जमा करवाने के लिए बिजली बोर्ड ने फरमान जारी किया है। जिन उपभोक्ताओं ने कई महीनों से बिजली के बिल जमा नही करवाए है। उन्हें 15 मार्च तक बिल का भुगतान करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करने के लिए विद्युत कार्यालय में या ऑनलाइन जमा करवाएं। इस दौरान जो उपभोक्ता बिल का भुगतान नहीं करता है, तो उनके बिजली का कनेक्शन काट दिया जाएगा। विद्युत विभाग में सहायक अभियंता मनमोहन सिंह चंदेल ने बताया कि कई महीनों से कुछ उपभोक्ता बिलजी का बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। इस कारण विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। उनको सूचित कर दिया गया है कि वह जल्द से जल्द बिल का भुगतान कर दें नहीं तो विद्युत अधिनियम 2003 के अनुसार कार्रवाई करते हुए उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा।
ग्राम पंचायत रौडी के फाउंटेन यूथ क्लब रौडी द्वारा आगामी शिवरात्रि के उपलक्ष्य पर रौडी में क्लब सदस्यों द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी लोगों ने मिलकर गांव के रास्तों की सफाई कर कचरा एक जगह एकत्रित करके उसे जलाया गया। फाउंटेन यूथ क्लब के प्रधान अजय शर्मा व सचिव कमल शर्मा ने स्थानीय लोगों से आह्वान किया कि सभी लोगों को अपने आसपास अपने गांव में व अपने वार्ड में सफाई करनी एवं करवानी चाहिए, ताकि पूरे क्षेत्र में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। इस मौके पर फाउंटेन यूथ क्लब के प्रधान अजय शर्मा, सचिव कमल शर्मा, विनय, राहुल, प्रदीप, नीरज, निखिल, नवीन सहित अन्य सदस्यों ने अपना सहयोग दिया।
आरपी नेगी। शिमला हिमाचल में एससी और एसटी छात्राें की स्काॅलरशिप डकारने में प्राइवेट यूनिवर्सिटीज और कालेजाें ने काेई कसर नहीं छाेड़ी। हालाँकि मामला 2017 का है, जांच सीबीआई कर रही है। कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी द्वारा पूछे गए एक लिखित सवाल के लिखित जवाब में शिक्षा मंत्री ने 27 शिक्षण संस्थानाें की लिस्ट भी दे दी। शिक्षा मंत्री द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक अब तक कुल छह गिरफ्तारी हाे चुकी है और सीबीआई जांच जारी है। उल्लेखनीय है की हिमाचल में करीब 350 कराेड़ की स्काॅलरशिप घाेटाला हुआ था। मामले की जांच हिमाचल पुलिस नहीं कर पाई ताे सरकार ने सीबीआई काे दाे साल पहले जांच का जिम्मा साैंपा था।
राष्ट्रीय नंबरदार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगत राम चौधरी व मांगल क्षेत्र से सम्बंध रखने वाले प्रदेश के संगठन मंत्री भीम सिंह चौहान ने हिमाचल सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट में नंबरदारों का मानदेय बढ़ाने पर हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर,राजस्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह,विधायक सरदार परमजीत सिंह पम्मी व पूर्व विधायक केएल ठाकुर का आभार प्रकट किया है।उन्होंने एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा है कि हिमाचल प्रदेश नंबरदार महासंघ नंबरदारों के मानदेय में 300 रू की वृद्धि करने पर हिमाचल सरकार का हार्दिक आभार व धन्यवाद करता है,हिमाचल के 12 जिलों की सभी तहसीलों,उपतहसीलों,ग्राम पंचायतों व गांव में कार्यरत लगभग 4000 नंबरदार हमेशा इस उपकार हेतु कृतज्ञ रहेंगे तथा हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का प्रयास करेंगे।
ग्राम पंचायत पारनु में महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता सशक्त महिला केन्द्र की अध्यक्षा कविता ने की। ग्राम सभा मे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमला कपूर, आशा वर्कर रीता, सशक्त महिला की अध्यक्षा कविता राठौर, निशा महाजन ने स्वच्छता सर्वेक्षण, एनआरएलएम, एकल नारी पेंशन, समृद्धि योजना इत्यादि सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान पंचायत प्रधान केशव राम ने महिलाओं से आग्रह किया कि वह प्रत्येक ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर भाग ले, ताकि सरकार द्वारा महिलाओं को दी जाने वाली योजनाओं का वह पूर्ण लाभ उठा सकें। इस दौरान एडवोकेट अर्की हेमंत वर्मा द्वारा महिलाओं को उनके अधिकार के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान केशव राम, उपप्रधान खेमराज, एडवोकेट अर्की हेमंत वर्मा, महिला मंडल की प्रधान संतोष शर्मा, आशा वर्कर रीता, आंगनवाड़ी वर्कर कमला कपूर, सशक्त महिला की अध्यक्षा कविता राठौर ,निशा महाजन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता उर्मिला, सचिव लायक राम सहित विभिन्न महिला मंडल की महिलाएं मौजूद रही।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्दन की एनएसएस इकाई में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। मैडम रंजना, रेणुका और बिमला ने विद्यालय की ओर से ग्राम पंचायत में महिला दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू ने ग्राम पंचायत धुन्दन में अपने उद्बोधन में महिलाओं को अपने अंदर छुपी हुई शक्ति को पहचानने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि करुणा, दया, प्रेम और शक्ति की मूर्ति भारतीय महिलाओं के हौसले आसमान की बुलंदियों को छूने के लिए लालायित रहते हैं। आधुनिक नारी पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज के हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभा रही है। भारतीय सरकार द्वारा प्रदत योजनाओं के साथ-साथ स्वयं को सशक्त होने पर बल दिया। एनएसएस स्वयंसेवी बनीता ने महिला दिवस पर अपना वक्तव्य रखा और बताया महिलाओं को कमजोर नहीं समझना चाहिए। वह धरती से आसमान तक छूने का जज्बा रखती है। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।
प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वंदना योगी ने कहा कि स्वस्थ एवं विकसित समाज में महिलाओं की भूमिका बराबर की है और एक जागरूक नागरिक होने के नाते हम सभी को महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्यरत रहना चाहिए। वंदना योगी आज बीएम जैन पब्लिक स्कूल नालागढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थीं। वंदना योगी ने कहा कि आज विश्व स्तर पर महिलाएं अपनी कामयाबी का परचम लहरा रही हैं। विकास के लगभग सभी क्षेत्रों में महिलाओं की योग्यता को सराहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं एक बार पुनः यह सिद्ध कर रही हैं कि समाज को सही दिशा देने में उनका अतुलनीय योगदान है।बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को पुरूष के बराबर माना गया है। वर्तमान समय में हम सभी को महिलाओं के इस स्थान को स्थापित करने के लिए आगे आना होगा। वंदना योगी ने कहा कि हाल ही में संपन्न पंचायती राज संस्थाओं तथा शहरी निकायों के चुनाव में 60 प्रतिशत से अधिक महिलाएं निर्वाचित हुई हैं। यह जहां प्रदेश सरकार की महिला उत्थान के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है वहीं आमजन की सकारात्मक मानसिकता का परिचायक भी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि लड़कियों को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करें। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर ने कहा कि महिलाओं के बिना जीवन और संसार की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि महिलाएं पुरूषों के साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर कार्य कर रही हैं और संसार को दया, करूणा और प्रेम जैसे मानवीय गुणों से परिपूर्ण बना रही है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता इंदु ठाकुर ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्ष रीना शर्मा, पार्षद शालिनी शर्मा एवं तारा अवस्थी, खण्ड विकास अधिकारी विश्वमोहन देव चैहान, तहसीलदार ऋषभ शर्मा, विद्यालय के संरक्षक अजीत पाल जैन, नालागढ़ स्त्री सभा की अध्यक्ष कृष्णा बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कहा कि समाज के समग्र एवं सर्वांगीण विकास में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उपायुक्त आज यहां अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। केसी चमन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को पुरूष के बराबर का दर्जा दिया गया है। प्राचीन समय में महिलाओं की स्थिति जहां अत्यन्त सम्माननीय थी वहीं निर्णय लेने में उन्हें बराबर के अधिकार मिले हुए थे। उन्होंने कहा कि आज हम सभी को एकजुट होकर महिलाओं को समाज में सभी क्षेत्रों में समानता का अधिकार दिलावाने के लिए प्रयत्नशील होना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा सभी स्तरों पर योजनाएं बनाकर कार्य किया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा आशा कार्यकर्ताओं ने न केवल जन-जन को जागरूक किया है अपितु संक्रमण को रोकने में भी विशिष्टि भूमिका निभाई है। उनके इस कार्य ने उन्हें प्रदेश में अलग पहचान दी है। केसी चमन ने कहा कि समाज के समान विकास के लिए लिंगानुपात में समानता आवश्यक है और इस दिशा में समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे लड़कियों के समुचित विकास के लिए सकारात्मक सोच रखें। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में लिंगानुपात के स्तर को बराबर करने के लिए सरकारी प्रयासों को जन-जन का सहयोग मिलना आवश्यक है। उपायुक्त ने इस अवसर पर सोलन जिला के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। उन्होंने राजकीय प्राथमिक पाठशाला खालटू की प्राची, राजकीय केन्द्रीय प्राथमिक पाठशाला कुमारहट्टी की रीतिका देवी एवं राजकीय प्राथमिक पाठशाला शिलहारी की भावना को चित्रकला प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कक्ड़हट्टी की की रूबिना तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट की कृतिका को सम्मानित किया गया।केसी चमन ने जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं को भी सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी केन्द्र रबौन की कार्यकर्ता अमरावती शर्मा, आंगनबाड़ी केन्द्र दामकड़ी की सहायिका देवकु देवी, आंगनबाड़ी केन्द्र कसौली वार्ड-4 की कार्यकर्ता मीना, आंगनबाड़ी केन्द्र काहनो की सहायिका बिंदु बाल, आंगनबाड़ी केन्द्र गौड़ा की कार्यकर्ता सत्या, आंगनबाड़ी केन्द्र पडो की सहायिका शशि बाला, आंगनबाड़ी केन्द्र मंज्याट की कार्यकर्ता कविता तथा सहायिका मंजू को सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया। आंगनबाड़ी केन्द्र मानपुरा की कार्यकर्ता गुरविंद्र कौर तथा सहायिका कमला देवी को भी सम्मानित किया गया। खण्ड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी केन्द्र बंसत विहार की कार्यकर्ता पूजा, आंगनबाड़ी केन्द्र ठोडो ग्राउंड की सहायिका कमलेश, आंगनबाड़ी केन्द्र रबौन की सहायिका किरण बाला, आंगनबाड़ी केन्द्र मोलों खुर्द की कार्यकर्ता निशा देवी, आंगनबाड़ी केन्द्र सन्होल की सहायिका सीता देवी, आंगनबाड़ी केन्द्र लियां कोटला की कार्यकर्ता लता देवी, आंगनबाड़ी केन्द्र भोजनगर की कार्यकर्ता मीना, आंगनबाड़ी केन्द्र बडहोल की सहायिका लीला, आंगनबाड़ी केन्द्र कुम्हारहट्टी की कार्यकर्ता रीना कुमारी तथा सहायिका गंगा देवी, आंगनबाड़ी केन्द्र मनलोग की कार्यकर्ता राधा तनवर, आंगनबाड़ी केन्द्र देवठी की सहायिका बिमला, आंगनबाड़ी केन्द्र चिल चक्कर की कार्यकर्ता अर्चना चैहान आंगनबाड़ी केन्द्र गुरूद्वारा मोहल्ला की सहायिका सुनीता, आंगनबाड़ी केन्द्र जमरोग की कार्यकर्ता मीना तथा आंगनबाड़ी केन्द्र गम्भरपुल की सहायिका ललिता को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अन्तर्गत स्थापित हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए पौष्टिक आहार की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र तेगटा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए विभाग द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इससे पूर्व क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की डाॅ. शालिनी ने स्वास्थ्य से सम्बन्धित तथा नेहरू युवा केन्द्र की समन्वयक ईरा प्रभात ने महिला सशक्तिकरण विषय पर जानकारी दी। इस अवसर पर सीडीपीओ सोलन डाॅ. पदम देव, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं सहित काफी संख्या में अन्य महिलाएं उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी और रेडक्राॅस सोसायटी अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष डाॅ.साधना ठाकुर ने कहा कि भारतीय संस्कृति सम्पूर्ण सृष्टि के सुख और सभी प्राणियों के निरोग रहने के मूल मंत्र को आत्मसात करती है और सभी प्राणियों का हित भारतीय संस्कृति का आधार है। डाॅ.साधना ठाकुर गत दिवस यहां कोठों में मस्कुलर डिस्ट्राॅफी पुनर्वास केन्द्र ‘मानव मंदिर’ में इस रोग से पीड़ित बच्चों, रोगियों, उनके अभिभावकों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्बोधित कर रही थीं। डाॅ.साधना ठाकुर ने कहा कि सभी निरोगी एवं सुखी रहें के मूल मंत्र के साथ भारतीय संस्कृति ने सदैव स्वस्थ एवं स्वच्छ सृष्टि की कल्पना की है। इस कल्पना में मानव जाति का कल्याण निहित है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चिकित्सा विज्ञान की उन्नति के साथ हमें अनेक ऐसे जटिल रोगों की जानकारी मिली है जो अभी तक असाध्य हैं। मस्क्युलर डिस्ट्राॅफी एक ऐसा ही रोग है। उन्होंने कहा कि ऐसे रोग से पीड़ित बच्चों और रोगियों के पुनर्वास में मानव मंदिर द्वारा किया जा रहा कार्य न केवल सराहनीय है अपितु जन-जन के लिए अनुकरणीय है। रेडक्राॅस सोसायटी अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे रोगियों का विभिन्न माध्यमों से पुनर्वास सुनिश्चित बनाकर हम भारतीय संस्कृति के निरोगी रहने की अवधारणा की दिशा में निःसंदेह आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं बाल रोग विशेषज्ञ हैं और ऐसे असाध्य रोग होने पर माता-पिता की मजबूरी को समझ सकती हैं। उन्होंने कहा कि मानव मंदिर रोगियों के साथ-साथ अभिभावकों को संबल प्रदान करने वाला संस्थान बनकर उभर रहा है। उन्होंने आशा जताई कि मानव मंदिर भवष्यि में इस दिशा में और आगे बढ़ेगा और रोगियों तथा उनके अभिभावकों के लिए आशा की किरण बनकर उभरेगा। इंडियन एसोसिएशन off मस्क्युलर डिस्ट्राॅफी (आईएएमडी) की अध्यक्ष एवं सचिव स्वयं इस बीमारी से पीड़ित होकर भी जिस प्रकार सभी को मानव उत्थान की दिशा में प्रेरित कर रहे हैं वह अत्यन्त उत्साहवर्धक है। डाॅ.साधना ठाकुर ने इस अवसर पर आईएएमडी सोलन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सुप्रसिद्ध समाजसेवी उमा बाल्दी ने मानव मंदिर की अवधारणा पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने मानव मंदिर की कल्पना को साकार करने के लिए विशेष रूप से सतलुज जल विद्युत निगम द्वारा प्रदत्त अंशदान एवं अन्य द्वारा किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। आईएएमडी की अध्यक्ष संजना गोयल ने इस अवसर पर पीपीटी के माध्यम मानव मंदिर के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि मानव मंदिर में पुनर्संजीवन, जागृति, साथी, सम्पर्क, संदेश इत्यादि माध्यमों से मस्क्युलर डिस्ट्राॅफी से पीड़ित रोगियों का पुनर्वास करने का प्रयास किया जा रहा है। आईएएमडी के सचिव विपुल गोयल ने कहा कि मानव-मंदिर में इस रोग पर जागरूकता शिविर आयोजित करने के साथ-साथ आवासीय फिजियोथेरेपी, उचित देखभाल प्रबंधन, व्हील चेयर स्पोर्ट, आर्थिक सहायता और परीक्षण की सुविधा दी जा रही है। यहां मरीजों को हाईड्रोथेरेपी भी प्रदान की जा रही है। हाईड्रोथेरेपी अर्थात जल द्वारा उपचार की विधा को अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा कीे अध्यक्ष रश्मिधर सूद, शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.पीके खोसला, आईएएमडी के पदाधिकारी एवं सदस्य मस्क्युलर डिस्ट्राॅफी से पीड़ित रोगी एवं उनके अभिभावक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
शिमला। हिमाचल में आज काेराेना से 3 लाेगाें की माैत हाे गई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर में 77 वर्षीय महिला, ऊना में 79 वर्षीय पुरुष और जिला कांगड़ा में 75 वर्षीय एक पुरुष की मृत्यु हुई है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से काेराेना से माैत का आंकड़ा काफी कम था, लेकिन साेमवार काे तीन लाेगाें की जान चली गई। एनएचएम के मिशन डायरेक्टर डा.निपुण जिंदल ने बताया कि साेमवार काे प्रदेश में 79 लाेग काेराेना पाॅजिटिव पाए गए। जबकि 73 लाेग स्वस्थ भी हाे गए हैं। उल्लेखनीय है कि हिमाचल में अब तक काेराेना से 987 लाेगाें की जान चली गई। इस वक्त राज्य में 617 एक्टिव केस हैं।
शिमला। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने आज सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश निदेशालय महिला एवं बाल विकास द्वारा पीटरहाॅफ में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बदलते परिवेश में महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज की है, जिसकी बदौलत आज देश तथा प्रदेश की महिलाएं उच्च पदों में अपनी बेहतर सेवाएं प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने में पुरुषों का अहम योगदान रहा है। इस अवसर पर सरवीण चैधरी ने आज के समाज में महिलाओं की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज महिलाएं पुरुषों से अधिक कार्य कर रही हैं तथा समाज में महिलाओं की उन्नति उनके घर परिवार व अन्य कार्य क्षेत्रों में श्रेष्ठ सेवाओं के रूप में आंकी जा रही है। उन्होंने बताया कि देश तथा प्रदेश सरकार ने महिलाओं के उत्थान व सशक्तिकरण के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं आरम्भ की गई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाएं आरम्भ की जाएगी, जिसमें स्वर्ण जयंती नारी संबल योजना के अंतर्गत 65 से 69 वर्ष की वरिष्ठ महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन व्यय की जाएगी वहीं शगुन नाम से नई योजना का शुभारंभ, जिसके अंतर्गत अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के बीपीएल परिवार की बेटियों को विवाह के समय 31 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। हिमाचल गृहिणी सुविधा के अंतर्गत 3 लाख परिवारों को गैस रिफिल प्रदान की जाएगी, 136 पुलिस थानों में महिला सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए 250 महिलाओं को बैंक काॅरेसपोंडेंट सखी के रूप में अधिकृत किया जाएगा।
आरपी नेगी। शिमला प्रदेश के चार नगर निगमों में हाेने वाले चुनाव से पहले राज्य सरकार एक्ट में संशाेधन के लिए विधेयक लेकर आई ताे विपक्ष ने कुछ क्लाॅज पर आपत्ति जताई। हिमाचल प्रदेश नगर निगम संशाेधन अधिनियम-2021 काे पारित करने से पहले साेमवार काे सदन में चर्चा हाेने लगी ताे विपक्ष ने इसे इलीगल करार दिया। इस बिल पर सत्तापक्ष और विपक्ष आमने सामने दिखा और नाराज विपक्ष ने वॉकआउट भी किया। इस बीच सरकार ने संशाेधित अधिनियम काे ध्वनीमत से पारित कर दिया। माकपा विधायक राकेश सिंघा ने सरकार काे इस संशाेधित कानून के खिलाफ काेर्ट जाने की धमकी भी दी। साेमवार काे विधानसभाबजट सत्र में प्रश्नकाल के बाद हिमाचल प्रदेश नगर निगम संशाेधन विधेयक-2021 को शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सदन में विचार विमर्श एवम पारण के लिए रखा। जिस पर विपक्ष की तरफ से किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने सरकार द्वारा शक्तियां अपने पास रखने जैसे कई सवाल उठाए और इसमें संशाेधन की मांग उठाई। उन्होंने रोटेशन की शक्तियां डीसी को देना व आरक्षण को लेकर भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल उठाए इसलिए कानून को बनाने से पहले सेलेक्ट कमेटी को भेजा जाए। माकपा विधायक राकेश सिंघा ने विधेयक को जल्दबाजी में सदन में लाने की बात करते हुए बताया कि कानून जो लाया जा रहा है वह लीगल न होकर राजनीति से प्रेरित है। कानून को अंतिम माना जाता है लेकिन इस कानून में शक्तियां डीसी को दे दी। डीसी को सरकार प्रभावित कर सकती है। इसलिए ये कानून पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। यदि सरकार बहुमत का बल दिखाकर इस रूप में इस कानून को पारित करने की कोशिश करती है तो वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से नही हिचकिचाएंगे। सदन में क्या बाेल शहरी विकास मंत्री शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि नगर निगम को लेकर कानून बनाने की ज़रूरत इसलिए पड़ी क्योंकि शिमला के अलावा अब 4 नई नगर निगम बन गई है। निगम के कानून में ये प्रावधान है कि राजनीतिक पार्टी चुनाव चिन्ह पर चुनाव करवाए जा सकते हैं। डीसी की शक्तियां इस लिए है कि क्योंकि यदि किसी को डिसक्वालीफाई करना है तो डीसी से नीचे का अधिकारी नही कर पाएगा इससे ऊपर का अधिकारी कर पाएगा ऐसा प्रावधान पहले से है। जहां तक आरक्षण का सवाल है वह एक्ट में प्रोविजन है। रोटेशन के आधार पर निगमों में चुनाव लड़ने का प्रावधान है।
शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। उन्होंने प्रधानमंत्री को 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदेश के विकास की 50 वर्षों की शानदार विकासात्मक यात्रा को प्रदर्शित करती रथ यात्रा का उद्घाटन करने के लिए हिमाचल आने के लिए आमंत्रित किया। जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश सरकार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए इस वर्ष हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व का स्वर्ण जयंती समारोह मना रही है। सरकार के 50 वर्षों की विकासात्मक यात्रा को प्रदर्शित करती रथ यात्रा के साथ-साथ 15 अप्रैल को मंडी जिले में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान वर्तमान प्रदेश सरकार की पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों सेे भी लोगों को अवगत करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए विशेष रूप से अटल टनल जैसे तोहफे देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री से 1796 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 111 मेगावाट की सावड़ा-कुड्डू जल विद्युत परियोजना के लोकार्पण के अलावा 210 मेगावाट के लुहरी चरण-एक जलविद्युत परियोजना और 66 मेगावाट धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना की आधारशिलाएं रखने का भी आग्रह किया।
आरपी नेगी। शिमला कभी कैबिनेट मंत्री के लिए सरकार और संगठन से नाराज चलने वाले ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला ने अपनी ही सरकार काे घेरने से काेई गुरेज नहीं किया। साेमवार काे बजट सत्र में प्रशनकाल के दाैरान सरकार की हर घर काे नल याेजना पर कई सवाल खड़े कर दिए। उन्हाेंने कहा कि इस याेजना के तहत ज्वालामुखी से भेदभाव हाे रहा है। धवाला ने जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर काे अवगत करवाया कि प्रदेश में इस याेजना के तहत लाेगाें काे व्यक्तिगत पाइपें भी बंट रही है। मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत किसी भी लाेगाें काे व्यक्तिगत ताैर पर पाइपें नहीं बांटी गई। उन्हाेंने कहा कि जुलाई 2022 तक प्रदेश में 17 लाख 626 नल खलाए जाने का लक्ष्य रखा है। एक अन्य सवाल के माध्यम से धवाला में प्रदेश में आवारा पशुओं के साथ प्राइवेट गाै सदन की कार्यप्रणाली पर भी उंगली उठाई। उन्हाेंने पंचातीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर से पूछा कि प्राइवेट गाैसदनाें में काैन सा धंधा चल रहा है। जवाब में मंत्री ने कहा कि ऐसे गाै सदनाें पर हिमाचल प्रदेश गाै सेवा आयोग पूरी तरह से नजरें रख रहा है। सभी गतिविधयाें की ऑनलाइन रिकॉर्ड कर रहे हैं।
प्राचीन शिव ताण्डव गुफा कुनिहार में चल रही 11 दिवसीय शिव महापुराण की कथा 9वें दिन कथा वाचक राजकुमार रसिक ने श्रोताओं को सुनाई। उन्होंने राजा हिमाचल व रानी मैना के घर माता पार्वती के जन्म का सुंदर प्रसंग सुनाया। माता पार्वती ने शिव के प्रति अटूट भक्ति व घोर तपस्या से शिव को वर के रूप में प्राप्त किया। शिव पार्वती का विवाह हुआ व माता पार्वती शिव की दुल्हन बन के शिव के साथ कैलास चली गई। कथा के दौरान लोग सुंदर संगीत भजन का आनन्द उठा रहे हैं। 10 मार्च को कथा को विराम दिया जाएगा व 11 मार्च को शिवरात्रि महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुफा विकास समिति अध्यक्ष राम रतन तनवर, अमरीश ठाकुर, राम दयाल, गुमान, प्रमोद, राज कुमार, हरिपाल सिंह, नेकराम, प्रतिभा कंवर सहित अन्य उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय के सभागार में चिकित्सा अधिकारी और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के लैपरोसी कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ राजेश गुलेरी ने की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा ड़ा राजेश गुलेरी ने सभी प्रतिभागियों को बताया कि कुष्ठ रोग एक जीर्ण संक्रमण रोग है। इसका त्वचा, श्वसन तंत्र, आँखों और तंत्रिका कोशिकाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यह बीमारी जीवाणु, माइक्रो बैकट्रीरियम लेपरे से होती है। उन्होंने बताया कि लोग इसे छुआ छूत बाला रोग मानते हैं, लेकिन यह ज़्यादा फैलने बाली बीमारी नहीं है। लेकिन ज़्यादा देर तक पीड़ित मरीज़ के संपर्क में रहने से कुष्ठ रोग की संभावना बढ़ जाती है। इस अवसर पर जिला कुष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ हरित पूरी ने बताया कि जिला चंबा के सरोल नामक स्थान पर कुष्ठ रोगियों के लिए सन 1875 में एशिया का सर्व प्रथम कुष्ठ रोग चिकित्सालय बनाया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बाल विकास परियोजना वृत्त कुमारहटी के अंतर्गत चारों मुख्य पंचायत चेवा, कोरो, बढ़ोग तथा सुल्तानपुर में विशेष महिला ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिसमें चारों पंचायतों के प्रधान नरेंद्र ठाकुर, संजय कुमार, सुनील कश्यप, सुमन उपस्थित रहे। इस मोके पर उन्होंने सभी लोगों को महिला दिवस पर शुभकामनाएं दी। वृत्त पर्यवेक्षिका कुमारहटी भूमिका जग्गी के मार्गदर्शन में चारों पंचायत की आंगनवाड़ी का र्यकर्ताओं सहायिका तथा सशक्त महिला समूह ने उपस्थित महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर, मटकी फोड़, मेहंदी प्रतियोगिता इत्यादि खेलों का आयोजन किया। इस दौरान सभी 36 विजेताओं को पुरस्कृत किया गया ।
आरपी नेगी। शिमला प्रदेश में नगर निगमों के चुनाव अब पार्टी सिंबल पर करवाने के लिए जयराम सरकार ने कानून एवं नियमो के तहत कवायद शुरु कर दी है। हालाँकि हाल ही में कैबिनेट में इस प्रस्ताव काे मंजूरी दे दी थी, लेकिन जब तक विधेयक या अध्यादेश लागू नहीं हाेता तब तक पार्टी सिंबल पर चुनाव नहीं हाे सकते। इसके मद्देनजर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज साेमवार काे विधानसभा सदन में इस संदर्भ में विधेयक लाएंगे। वे हिमाचल प्रदेश नगर निगम एक्ट-1994 में संशाेधन करने के लिए सदन में हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम 2021 नामक विधेयक पेश करेंगे। इस बिल के पास हाेने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग चार नगर निगमों के चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है। गाैरतलब है की हिमाचल में नगर निगम के चुनाव 1997 और 2012 में हुए थे। उस वक्त प्रदेश में एक मात्र एमसी शिमला ही था। अब पांच हाे गए है। अप्रैल माह में धर्मशाला, मंडी, साेलन और पालमपुर नगर निगम के चुनाव हाेंगे।
शिमला। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शिमला भाजपा मंडल काे एकजुटता के साथ मिशन रिपीट का पाठ पढ़ाया। समरहिल में आयोजित कार्क्रम काे संबाेधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा की 2022 के चुनाव में भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। इसके लिए हमें अभी से ही मेहनत करने की आवशकता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि दुनिया में हमारा संगठन सबसे मजबूत एवं शक्तिशाली है और भाजपा जैसे संगठित संगठन का अन्य कोई संगठन मुकाबला नहीं कर पाता। जो नेतृत्व भाजपा के पास है वह किसी राजनीतिक दल के पास नहीं है, जिस नेतृत्व पर जनता का विश्वास हो और जो वह नेतृत्व कहता है वह करके दिखाता है ऐसे हैं हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार ने एक शानदार बजट पेश किया है जिसमें हर वर्ग का ख्याल रखा गया है, स्वास्थ्य की दृष्टि से यह बजट ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा की पिछले 70 वर्ष में भाजपा ही एक ऐसा राजनीतिक दल है जिसने वास्तव में गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का कार्य किया। आज गरीब के पास पक्का मकान है ,बिजली है, जनधन खाता है जिसमे केंद्र सरकार सीधा पैसे डाल रही है ,हर घर नल योजना से भारत के हर घर में पानी पहुंचाने का कार्य कर रही है भारत सरकार जिसमें हिमाचल प्रदेश भी अच्छा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले इज़ ऑफ लिविंग में शिमला 92 स्थान पर था आज पहले स्थान पर है यह हिमाचल सरकार के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य हिमाचल में 2022 में पुनः एक बार भाजपा की सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में स्थापित करना है।
शिमला। प्रदेश में 15वें वित्त आयोग के तहत पंचायती राज प्रतिनिधियों के लिए 327 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है, जिसके तहत नव निर्वाचित प्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विकास कर सकेंगे। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने यह विचार आज शिमला ग्रामीण के सुन्नी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने पंचायत प्रतिनिधियों के लिए नवीन योजना बनाई है, जिसके तहत वे अपने क्षेत्र के 5 नए काम जिसमें सड़क निर्माण, पेयजल, सिंचाई, महिला मण्डल अथवा युवक मण्डल भवन निर्माण, मोक्ष धाम निर्माण या वर्षा शालिका जैसे कार्य शामिल होंगे, जिसके लिए सरकार द्वारा 5 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने आज 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से सुन्नी हरि गौसदन का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि जिला शिमला में यह पहला अत्याधुनिक गौसदन होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 90 दिन के भीतर इस सदन का कार्य पूर्ण करें ताकि मुख्यमंत्री जल्द से जल्द इसे लोगों को समर्पित कर सके। उन्होंने बताया कि हिमाचल मूल की पहाड़ी गाय जो 5 हजार अथवा इससे अधिक फीट की ऊंचाई पर रहती है के संरक्षण व संवर्धन के लिए केन्द्र को भेजी गई परियोजना की स्वीकृति भी प्राप्त हुई है, जिस पर 10 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। उन्होंने बताया कि इस स्वीकृति से हिमाचल की पहचान गौरी गाय का संरक्षण होगा। गाय के संवर्धन, नस्ल और दूध बढ़ौतरी में भी इस परियोजना के तहत सहयोेग मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सत्ता में आते ही प्रदेश में गौ सेवा आयोग की स्थापना की, जिसके संरक्षण व संवर्धन के लिए सरकार कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 16 हजार आवारा गऊओं को गौसदनों में रखा गया है। उन्होंने बीज प्रज्जनन फार्म सुन्नी को सुचारू रूप से चलाने तथा इसका आधुनिकीकरण करने एवं भवन निर्माण व स्टाफ का प्रबंध करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए ताकि लोगों को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने पशु चिकित्सालय भवन सुन्नी के साथ अन्य भवन के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की तथा अधिकारियों को इसके लिए सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर जल्द कार्य आरम्भ करने के आदेश दिए। उन्होंने बसन्तपुर सब्जी मण्डी के लिए वन भूमि की स्वीकृति प्राप्त कर जल्द निर्माण के भी आदेश अधिकारियों को दिए ताकि इसका आधुनिकीकरण कर लोगों को उपयोग के लिए समर्पित किया जा सके।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सोलन के निकट मानव मंदिर कथौन में इंटिग्रेटिड मस्कुलर डिस्ट्राॅफी रिहैबिलिटेशन सेंटर में निजी वार्ड का लोकार्पण करने के बाद कहा कि यह संस्थान मस्कुलर डिस्ट्राॅफी से ग्रसित हर व्यक्ति तक पहुंचने के अलावा लोगों में मस्कुलर डिस्ट्राॅफी के बारे में जागरूकता लाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान निःस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित व्यक्तियों के उपचार के लिए संस्थान वैज्ञानिक अनुसंधान और बेहतर उपचार की सुविधाएं स्थापित करने के लिए भी कार्यशील हैं। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी और रेडक्राॅस सोसायटी अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष डाॅ. साधना ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, सांसद और राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, राज्य भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद और सामाजिक कार्यकर्ता उमा बाल्दी भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
शिमला के प्रतिष्ठित राजकीय कन्या महाविद्यालय में पढ़ रहीं शालिनी, किरण, प्रिया और मोनिका हों या मुस्कान, इतिका, ज्योति, इंदू, संगीता, कुसुम, शगुन, अन्जना, निशा, पूनम, वीना, आशा, विद्या, सूमा और चन्द्र्मणी! खास बात यह है कि ये दृष्टिबाधित बेटियां अपनी प्रतिभा और लगन के पंखों के सहारे आसमान छूने की जद्दोजहद में लगी हैं। यह सभी कंप्यूटर पर टॉकिंग सॉफ्टवेयर के सहारे सभी काम कर लेती हैं। यही नहीं मोबाइल से फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और ट्विटर भी चलाती हैं। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोहों के शोर में उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दे कहीं दब जाते हैं। उन्हें शिक्षण संस्थानों में दाखिले के साथ ही हॉस्टल और बाधा रहित वातावरण भी चाहिए। पढ़ाई के लिए उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण, लैपटॉप व टॉकिंग सॉफ़्टवेयर एक अनिवार्यता है। ताकि वे ई- बुक्स सुन कर पढाई कर सकें। अभी तक सरकार का ध्यान उनकी इस आवश्यकता की ओर नहीं गया है। राजकीय कन्या महाविद्यालय के हॉस्टल में रह कर बीए कर रही चार दृष्टिबाधित छात्राओं में से तीन शालिनी, मोनिका और प्रिया बीपीएल परिवार की हैं और पूर्णता दृष्टिहीन हैं। इन बेटियों के सपनों को पंख देने के लिए उमंग फाउंडेशन आगे आई है। फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. अजय श्रीवास्तव ने बताया कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उनकी संस्था पिछले 14 वर्षों से छात्रवृत्ति, लैपटॉप एवं अन्य उपकरण देकर पढ़ाई में मदद कर रही है। इनमें से अनेक दृष्टिबाधित बेटियां नौकरी में भी आ गई हैं। पोर्टमोर स्कूल से 84.60 प्रतिशत अंक लेकर 12वीं पास करने वाली चंबा के दूरदराज क्षेत्र की पूर्णतः दृष्टिहीन शालिनी ने आरकेएमवी शिमला में बीए में दाखिला लिया है। राजनीति विज्ञान में दिलचस्पी रखने वाली इस छात्रा का सपना एचएएस अधिकारी बनना है। किन्नौर की मोनिका ने सुंदरनगर के विशेष विद्यालय से 63 प्रतिशत अंकों से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। वह इतिहास की सहायक प्रोफेसर बनना चाहती है। उधर सराहन के कुरुगू गांव की प्रिया भी प्राध्यापक बनने का सपना संजोए हुए है। जुब्बल के गांव बरठाटा की किरण की विकलांगता 75% है। वह स्कूल लेक्चरर बनना चाहती है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संगीत में पीएचडी कर रही मुस्कान हो या पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी की छात्रा इतिका चौहान, अथवा एमटेक की विद्यार्थी ज्योति नेगी, देख पाने में दिक्कत उनके जज़्बे को कमज़ोर नहीं कर पाई। इसी तरह रामपुर कॉलेज में चंद्रमणी, आशा, विद्या और सूमा देवी की हिम्मत उन्हें आगे बढ़ा रही है। हालांकि बार-बार आग्रह किए जाने के बावजूद कॉलेज प्रबंधक ने सुगम में पुस्तकालय बनाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। विश्वविद्यालय में दो वर्ष पूर्व सुगम्य में पुस्तकालय का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को कंप्यूटर पर काम करते देख हैरान रह गए थे। उन्होंने मंच से वादा किया था की हर स्कूल और कॉलेज में जहां दृष्टिबाधित विद्यार्थी पढ़ते हैं सुगम्य पुस्तकालय बनाए जाएंगे। लेकिन इस दिशा में आगे कुछ नहीं हुआ। प्रो अजय श्रीवास्तव का कहना है कि दृष्टि बाधित होने के बावजूद इन बेटियों ने हार नहीं मानी और जिंदगी में कुछ करके दिखाने की कोशिशों में लगी हुई हैं। उमंग फाउंडेशन हर कदम पर उनका साथ देता है। उससे जुड़ी हुई मुस्कान सभी के लिए एक मिसाल बन कर सामने आई है। वह बेहतरीन गायिका है, भारतीय चुनाव आयोग ने उसे वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया था। एक फेलोशिप के माध्यम से वह अमेरिका तक में अपने सुरों के जादू से हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर आई।
सोलन शहर में नगर निगम के गठन से शहर का योजनाबद्ध और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा। इससे यहां का पुराना वैभव और महत्व भी बना रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह बात आज सोलन शहर के निवासियों द्वारा नगर परिषद सोलन को नगर निगम के रूप में स्तरोन्नत करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने के लिए ठोडो मैदान में आयोजित अभिनन्दन समारोह के दौरान कही। जय राम ठाकुर ने कहा कि सोलन राज्य के केंद्र में स्थित जीवंत शहरों में से एक है, जो न केवल प्रदेश का प्रवेश द्वार है, बल्कि प्रदेश के सभी भागों के लोगों को अपने सुखद वातावरण के कारण यहां रहने के लिए आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि इस कारण ही शहर के नियोजित और समुचित विकास को सुनिश्चित करने की आवश्यकता महसूस की गई। वर्तमान राज्य सरकार ने इसी कारण से सोलन की नगर परिषद को नगर निगम में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने लोकतंत्र की सबसे निचली व महत्वपूर्ण इकाई के संस्थानों में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 412 नई ग्राम पंचायतें, सात नगर पंचायतें और तीन नगर निगमों का गठन किया है। उन्होंने कहा कि सोलन, पालमपुर और मंडी में तीन नए नगर निगमों का गठन इसलिए महत्वपूर्ण था, ताकि इन सभी शहरों का योजनाबद्ध और व्यवस्थित तरीके से विकास किया जा सके। राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के इन सभी तीनों शहरों के लोगों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया गया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने विश्व और भारत की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों के सक्रिय समर्थन और सहयोग से सरकार इस स्थिति से सफलतापूर्वक बाहर आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने न केवल जरूरतमंदों और गरीबों के लिए भोजन और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई, बल्कि लोगों को लगभग 53 लाख फेस मास्क भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस संकट से उबरने के लिए न केवल समय पर प्रभावी निर्णय लिए, बल्कि वैज्ञानिकों को इस वायरस के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित करने तथा देश के लोगों को चुनौतियों में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पीपीई किट के लिए एक समय चीन पर पूरी तरह से निर्भर रहने वाला भारत आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से ही प्रतिदिन छह लाख से अधिक पीपीई किट का उत्पादन कर कई अन्य देशों को इसका निर्यात कर रहा है। राज्य में संक्रमण के समय प्रदेश में केवल 60 वंेटिलेर्ज थे, परंतु आज राज्य में 600 से अधिक वेंटिलेटर्ज हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने महामारी के इस संवेदनशील मुद्दे का भी राजनीतिकरण किया और राज्य सरकार पर देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे प्रदेश के लगभग 2.50 लाख लोगों की प्रदेश वापसी कर संक्रमण फैलाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य के लोगों को मास्क और सेनेटाइजर प्रदान करने के लिए खर्च की गई राशि के 13 करोड़ रुपये के बिल अपनी आलाकमान के समक्ष रखे। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि राज्य के लोगों को कांग्रेस से जब कुछ मिला ही नहीं तो यह राशि कैसे और कहां खर्च की गई। जय राम ठाकुर ने सोलन के लोगों से नगर निगम चुनावों में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि विकास निर्बाध रूप से चलता रहे। प्रदेश के लोगों ने लोकसभा चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन दिया। जिसमें भाजपा ने सभी चार सीटों पर रिकाॅर्ड अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में एक कदम और आगे बढ़ते हुए भाजपा को राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल हुई, जो पूर्व में कभी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा के दोनों उपचुनावों और उसके पश्चात पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों में जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोग जनमंच, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1100, सहारा योजना, गृहिणी सुविधा योजना, हिमकेयर जैसी अनेक योजनाओं से अत्यधिक लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना राज्य के युवाओं के लिए वरदान साबित हुई है और वे अब रोजगार की तलाश करने के बजाय रोजगार प्रदाता बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि गत दिवस प्रस्तुत राज्य के वार्षिक बजट में समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 65 से 69 वर्ष की आयु की वृद्ध महिलाओं को बिना किसी आय सीमा के प्रतिमाह एक हजार रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि शगुन योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए 31 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। वर्ष 2021-22 के दौरान राज्य के गरीबों के लिए लगभग 12 हजार घरों का निर्माण करने की भी घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने परिवहन नगर सोलन के लिए दो करोड़ रुपये, सोलन में तीन नई पार्किंग के लिए दो करोड़ रुपये और नगर निगम सोलन के 17 वार्डों के योजनाबद्ध विकास के लिए दो करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल सोलन में सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे संयत्र स्थापित किया जाएगा। सोलन और कंडाघाट अस्पतालों में डाॅक्टरों के पर्याप्त पद भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि कंडाघाट स्टेडियम और इंडोर स्टेडियम सोलन का कार्य शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोलन विधानसभा क्षेत्र के लोगांे की सभी मांगों सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुराने बस अड्डे के समीप पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने जिला सोलन के सोलन विधानसभा क्षेत्र में लगभग 34 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने कंडाघाट तहसील की ग्राम पंचायत सतड़ोल में 1.41 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना बदरौण के संवर्द्धन कार्य और क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 93 लाख रुपये के कोविड आईसीयू केंद्र का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के 3.93 करोड़ रुपये की लागत के मुख्यालय भवन, 15 करोड़ रुपये की लागत से गिरी नदी से सोलन शहर की उठाऊ पेयजल योजना के सुधार एवं स्तरोन्नयन कार्य, तीन करोड़ रुपये की लागत से सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरोट व बसाल तहसील की विभिन्न बस्तियों के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, 2.19 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत मशीवर और जौणाजी के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना के संवर्द्धन कार्य, 1.25 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत कनैर और जधाणा में मेहली चरण-2 उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, जटोली में 4.21 करोड़ रुपये के माॅडल करियर सेंटर और 1.27 करोड़ रुपये की लागत की सोलन की जल आपूर्ति वितरण के चरण-2 के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। जोगिन्द्रा बैंक के प्रबन्धन की ओर से जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेश भारतीय ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2.56 लाख रुपये का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया। इसके पश्चात, मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य में सहभागिता योजना के अंतर्गत साईं संजीवनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल सोलन का लोकार्पण किया। स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि पिछले 20 वर्षों के दौरान क्षेत्र में सोलन शहर विकसित शहर के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार ने ही सोलन शहर को नगर निगम में स्तरोन्नत करने की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया गया है। उन्होंने शहर के लोगों से आगामी नव गठित नगर निगम के चुनावों में सभी भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सांसद और राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि राज्य के गठन के समय केवल एक नगर निगम शिमला था और कांग्रेस सरकार ने इन 50 वर्षों के दौरान केवल एक नगर निगम धर्मशाला का गठन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोलन, मंडी और पालमपुर में तीन नए नगर निगम गठित किए, ताकि राज्य के तेजी से विकसित हो रहे इन शहरों का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक निर्णय है और इसका उद्देश्य हमारे शहरों को और अधिक जीवंत और आत्मनिर्भर बनाना है। राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और विधायक डाॅ. राजीव बिंदल ने सोलन शहर के लोगों को उनके प्यार और परोपकार के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सोलन शहर देश का सबसे तेजी से विकसित हो रहा शहर है। उन्होंने कहा कि शहर का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक था कि शहर को निगम का दर्जा मिले। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर सोलन शहर के लोगों के हितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने सोलन शहर की विकासात्मक मांगों के बारे में विस्तार से बताया। पूर्व सांसद और राष्ट्रीय भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेन्द्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सोलन जिला को नगर निगम का दर्जा देना सोलन शहर के लोगों के लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि नवगठित नगर निगम की सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करना अब शहर के लोगों की जिम्मेदारी है। विधानसभा चुनाव-2017 में भाजपा उम्मीदवार डाॅ. राजेश कश्यप और भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत किया। राज्य भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मिधर सूद, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष योगेश भारतीय, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, राज्य भाजपा उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, हिमकोफेड अध्यक्ष रतन सिंह पाल, जल प्रबन्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, उपायुक्त केसी चमन और अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत रौडी की युवा जागृति क्लब बाघल धार की बैठक रोड़ी पंचायत के उपप्रधान जीतराम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में रौड़ी वार्ड-2 के सदस्य मदन शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए क्लब प्रधान दीपक ठाकुर द्वारा क्लब द्वारा गत वर्ष में किए गए कार्य के बारे में बताया गया। जिसमें वॉलीबाल मैचों के आयोजन, पौधारोपण कार्यक्रम,स्वच्छता अभियान के तहत की गई सफाई के कार्यक्रम, कोरोना महामारी के दौरान पिछले वर्ष 2020 में 25 अप्रैल से 10 मई तक ड्राइवरों के लिए भोजन लंगर उपलब्ध करवाने के बारे में चर्चा हुई तथा आगामी रणनीति हेतु युवाओं को क्लब में जोड़ने के लिए भविष्य में खेलकूद प्रतियोगिताये क्लब के माध्यम से करवाने के बारे में भी चर्चा की गई। बैठक में क्लब के लिए भवन निर्माण के बारे में भी चर्चा की गई। इस दौरान बैठक में क्लब प्रधान दीपक ठाकुर, उप प्रधान देवेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण चंद्र बंसल सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत सूरजपुर का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधान ओमप्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग व अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से मिला। इस दौरान अधिकारियों को पंचायत की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया गया। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता को बताया कि ग्राम पंचायत सूरजपुर के समस्त गांव को उठाउ पेयजल योजना गंभर खड्ड से जोड़ा जाए व फौरी तौर पर पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी गांव में पानी की उचित व्यवस्था की जाए,जिसमें मुख्यतः पाइपों को बदलना स्टोर टैंक की रिपेयर करना आदि शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग को विभिन्न मांगों से अवगत करवाया गया है। जिसमें मुख्य पीपलूघाट चौक में सार्वजनिक शौचालय व वर्षा शालिका का निर्माण, भलेड नाला के पास पुली निर्माण सड़क में डंगे व पूली का निर्माण , पीपलूघाट सिम्मू, कुन्नी, छिबर, घनागूघाट सड़क में ढंगे निर्माण व सड़क को पक्का करना पंचायत के अंतर्गत आने वाली सभी सड़कों की मरम्मत करना शामिल रहे। इसके साथ-साथ उपमंडलाधिकारी अर्की को भी ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें आवारा पशुओं को गोशाला में भिजवाना तथा बानण गांव के लिए गैस की सप्लाई पहुंचाना मुख्य रहा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज जन औषधि दिवस-2021 के अवसर पर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के लाभार्थियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। इस अवसर पर शिमला के रिज मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और केन्द्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने जन औषधि परियोजना की लाभार्थी शिमला जिला के ठियोग उप-मण्डल के अन्तर्गत सरोग गांव की निवासी कृष्णा वर्मा से बातचीत के दौरान अपनी पुरानी यादें सांझा करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश का प्रत्येक परिवार देवदूत के समान है। हिमाचल वासियों का राष्ट्र की सेवा में सदैव ही सराहनीय योगदान रहा है। कार्यक्रम के उपरान्त पत्रकारों से बातचीत करते हुए जय राम ठाकुर ने कहा कि गरीब आदमी के लिए जन औषधि परियोजना संजीवनी के रूप में काम कर रही है। यह योजना प्रदेश में बहुत लोकप्रिय हुई है। राज्य में इस योजना में और तेजी लाई जाएगी तथा इसके विस्तार के लिए प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के 54 केन्द्र हैं। राज्य के राजकीय चिकित्सालयों में 14 जन औषधि केन्द्र स्थापित किए गए हैं। यह योजना स्थाई और नियमित आय के साथ युवाओं के लिए स्वरोजगार का एक अच्छा स्रोत भी उपलब्ध करवा रही है। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत दवाएं औसत बाजार मूल्य की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती होती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में वित्त वर्ष 2021-22 के लिए प्रस्तुत बजट बहुुत सराहनीय है। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, एपीएमसी के अध्यक्ष नरेश शर्मा, नगर निगम शिमला के पार्षद, स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, आईजीएमसी के प्रधानाचार्य डाॅ. रजनीश पठानिया, चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. जनक राज तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
कुल्लू पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कसे हुए है। पुलिस ने कुल्लू जिले के बजौरा में हरियाणा के दो युवकों को एक किलो 464 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम ने शनिवार रात को नाका लगाया हुआ था। बस की तलाशी के दौरान इन युवकों से नशे की यह खेप बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगामी छानबीन में जुट गई है। भुंतर पुलिस की एक टीम ने बजौरा में शनिवार रात को नाका लगाया था। इस दौरान रात करीब 9:45 पर भुंतर की तरफ आ रही एक बस एचआर 68बी 2037 को तलाशी के लिए रोका गया। बस में बैठे हुए दो युवकों पर पुलिस को शक हुआ। जबकि इनकी तलाशी ली गई तो अमित कुमार उम्र 32 साल, निवासी गनौर जिला सोनीपत हरियाणा और विक्रम दहिया उम्र 30 साल, निवासी हलालपुर जिला सोनीपत हरियाणा के कब्जे से एक किलो 464 ग्राम चरस बरामद हुई। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने यह चरस कहां से लाई थी। इसे कहां लेकर जा रहे थे। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
हिमाचल प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी महासंघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा पेश किये गए बजट का स्वागत किया और इस बजट को सबका साथ सबका विकास नीति पर आधारित बताया। हिमाचल प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी महासंघ यूनियन ने बजट स्पीच में मुख्यमंत्री द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ हो रहें शोषण को रोकने के लिए कदम उठाने की बात का स्वागत किया है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा ने कहा की हमें उम्मीद है कि सरकार जल्दी हि ठोस कदम उठाते हुए ओउटसोर्स कर्मचारियों की जॉब की सुरक्षा और सम्मान जनक वेतन का विशेष ध्यान रखते हुए एक ठोस नीति बनाएगी। वंही, उन्होंने ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी का बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों के निलंबन को रोकने के सरकार द्वारा बोर्ड को आदेश के लिए धन्यवाद किया और मजदूर वर्ग के मानदेय बढ़ोतरी के जयराम सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए, उन्होंने हज़ारो परिवारों की ओर से मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में काम कर रहें आउटसोर्स कर्मचारियों की वेतन बढ़ोतरी का सरकार से निवेदन कर शीघ्र हि स्थायी नीति के ऐतिहासिक फैसले के लिए समिति का गठन करने की मांग की।
आंगनबाड़ी वर्करज़ व हेल्परज़ यूनियन सम्बन्धित सीटू की राज्य कमेटी आंगनबाड़ी कर्मियों की प्री प्राइमरी में नियुक्ति व अन्य मांगों को लेकर नौ मार्च को प्रदेशव्यापी हड़ताल करेगी। इस दिन हज़ारों आंगनबाड़ी कर्मी शिमला में विधानसभा के बाहर ज़ोरदार प्रदर्शन करेंगे। हड़ताल के संदर्भ में यूनियन ने निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार शिमला को हड़ताल नोटिस भेज दिया है। आंगनबाड़ी कर्मियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार को चेताया है कि अगर आंगनबाड़ी वर्करज़ को प्री प्राइमरी कक्षाओं के लिए नियुक्त करने के आदेश जारी न किये तो आंगनबाड़ी कर्मी नौ मार्च को प्रदेशव्यापी हड़ताल करके सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बन्द कर देंगे व इस दिन प्रदेशभर के हज़ारों आंगनबाड़ी कर्मी बजट सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2021 के आइसीडीएस बजट में की गई 30 प्रतिशत की कटौती को आंगनबाड़ी कर्मियों के रोज़गार पर बड़ा हमला करार दिया है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी वर्करज़ व हैल्परज़ के वेतन में पांच सौ व तीन सौ रुपये की बढ़ोतरी को क्रूर मज़ाक करार दिया है। उन्होंने मांग की है कि आंगनबाड़ी कर्मियों को हरियाणा की तर्ज़ पर वेतन और अन्य सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए तीन हज़ार रुपये पेंशन, दो लाख रुपये ग्रेच्युटी, मेडिकल व छुट्टियों की सुविधा लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कर्मियों की रिटायरमेंट उम्र 65 वर्ष करने, नई शिक्षा नीति 2020 को खत्म करने, मिनी आंगनबाड़ी कर्मियों को बराबर वेतन देने की मांग की है। उन्होंने आंगनबाड़ी कर्मियों को वर्ष 2013 का नेशनल रूरल हेल्थ मिशन के तहत किये गए कार्य की बकाया राशि का भुगतान तुरन्त करने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि प्री प्राइमरी कक्षाओं व नई शिक्षा नीति के तहत छोटे बच्चों को पढ़ाने का जिम्मा केवल आंगनबाड़ी वर्करज़ को दिया जाए क्योंकि वे काफी प्रशिक्षित कर्मी हैं। इस संदर्भ में उनकी नियमित नियुक्ति की जाए तथा इसकी एवज़ में उनका वेतन बढाया जाए।
जिला कांगड़ा एसएमसी अध्यापक संघ ने सरकार के बजट में 2555 एसएमसी अध्यापकों के साथ 500 रुपये मानदेय में वृद्धि करके भद्दा मज़ाक बताया है,जोकि बहुत ही निराशाजनक हैं। जिला कांगड़ा एसएमसी अध्यापक संघ के अधयक्ष विकास ठाकुर ने कहा कि एसएमसी अध्यापकों को सरकार से उम्मीद थी कि सरकार बजट में 2555 एसएमसी अध्यापकों के लिए पीटीए, पैट, पैरा और पंजाबी व उर्दू अध्यापकों की तर्ज पर स्थाई नीति बनाएगी। लेकिन सरकार ने 500 रुपये बढ़ा कर एसएमसी अध्यापकों के साथ मजाक किया हैं। अब इसको लेकर एसएमसी अध्यापक जल्दी राज्यस्तरीय बैठक करेंगें तथा सड़को पर उतरने से भी परहेज नही करेंगें। उन्होंने कहा कि एसएमसी अध्यापक पिछले 09 वर्षों से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न अति दुर्गम घाटियों के स्कूलों में कम वेतन और बिना किसी अवकाश के लगातार अपनी सेवाएं दे रहें हैं। सरकार ने जब पीटीए, पैट, पैरा और पीढ़ियड बेसिस पंजाबी व उर्दू अध्यापकों को नियमित कर दिया हैं, तो सरकार एसएमसी अध्यापकों के साथ अन्याय क्यों कर रही हैं। सरकार इनकी तर्ज पर 2555 एसएमसी अध्यापकों को भी नियमित करें जिससे एसएमसी अध्यापकों का भविष्य सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्दी से सही निर्णय नहीं लिया, तो 2555 एसएमसी अध्यापक परिवार सहित सड़कों पर उतरेंगे।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हिमाचल महिला पुलिस की अलग झलक शिमला के रिज मैदान में देखने को मिलेगी। 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पूरे हिमाचल प्रदेश में ट्रैफिक और कानून व्यवस्था को महिला पुलिस नियंत्रित करेगी। इसके पीछे का मकसद महिला सशक्तिकरण और महिला पुलिस को उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान देना है। इसके अलावा हिमाचल के स्थापना दिवस के स्वर्णिम जयंती वर्ष व अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला पुलिस हिमाचल प्रदेश में अपने 50 वर्ष के सफर की झलकी लोगों को दिखाएंगे। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रिज मैदान में महिला पुलिस परेड, बाइक स्टंट और साहसिक कर्तव्य दिखाएगी। 1973 में हिमाचल प्रदेश में केवल 3 महिलाएं थी, लेकिन अब इनकी संख्या 2300 हो गई है। डीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि प्रदेश के स्थापना दिवस के स्वर्णिम जयंती वर्ष के मौके पर महिला पुलिस के योगदान व महिलाओं को सम्मान देने के मकसद से "women in hp police" कार्यक्रम किया जाएगा। जिसका शुभारंभ राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय करेंगे। सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि महिला दिवस पर राजधानी शिमला में वीमेन परेड, महिला पुलिस कर्मियों द्वारा अभी तक के शौर्य को बताने वाली प्रदेशनी का आयोजन होगा। पुलिस में महिला सशक्तिकरण को लेकर कई तरह के प्रयासों को शो केस ज़रिए दिखाया जाएगा। महिला सशक्तिकरण में योगदान देेने वाले देश के बड़े अभिनेताओं और बुद्धिजीवियों के बधाई और शुभकामनाएं संदेश भी प्रदेश महिला पुलिस को मिले हैं, जिसमें हेमा मालिनी, अमीर खान, अनुपम खेर, प्रकाश झा, हंसराज हंस जैसे फिल्मी दिग्गजों ने महिला दिवस पर महिला पुलिस के इस खास कार्यक्रम के लिए संदेश के ज़रिए उत्साह वर्धन किया है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। शिमला जिले के सिद्धपुर क्षेत्र में सुबह ताजा बर्फबारी हुई है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में सुबह से बादल छाए है। शनिवार रात को लाहौल के कई इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रा में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। जलोड़ी दर्रा में हुई पांच सेंटीमीटर बर्फबारी से बस सेवा बंद हो गई है। हाईवे-305 से फॉर बाई फॉर वाहन ही चल रहे हैं जिससे लोगों को पैदल सफर करना पड़ा। कुल्लू व लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है। तापमान लुढ़कने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पिछले कई दिनों से घाटी में दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही थी। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। वहीं किसानों व बागवानों को एक बार फिर अच्छी बारिश की उम्मीद जगी है।
भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय प्रशिक्षण विभाग का दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण शिविर मण्डी के विश्वकर्मा मंदिर के प्रांगण में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम सत्र में प्रदेश भाजपा सचिव बिहारी लाल शर्मा ने शिरकत की। वंही, शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को संबोधित किया। इस शिविर में विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिसमें भाजपा की कार्य पद्धति एवं संगठन में कार्यकर्ता की भूमिका, सोशल मीडिया के उपयोग,भाजपा का इतिहास और विकास आदि विषयों पर विभिन्न वक्ताओं द्वारा विचार रखे जायेंगे। इस प्रशिक्षण शिविर में मंडल भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य,मंडल से जिला में पदाधिकारी,मंडल से प्रदेश में पदाधिकारी,मंडल से प्रदेश, जिला में विभिन्न मोर्चों में पदाधिकारी,मंडल के मोर्चों में अध्यक्ष और ग्राम केंद्र के अध्यक्ष उपस्थित हुए।
अर्की सुधार सभा दिल्ली के प्रधान प्रेम सिंह रघुवंशी ने ग्राम पंचायत घनागुघाट में ध्यानपुर (सारनी) से उप ग्राम बिउलु वाया जुबला के लिए लिंक रोड निर्माण हेतु हिमाचल प्रदेश सरकार से धन प्रदान करने का आग्रह किया है।अर्की तहसील सुधार सभा दिल्ली के प्रधान प्रेम सिंह रघुवंशी ने एक पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सचिव (पीडब्ल्यूडी) विनय सिंह से अनुरोध किया है कि सभा की ओर से ध्यानपुर (सारनी) से उप ग्राम बिउलु वाया जुबला पंचायत घनागुघाट के माध्यम से उप-ग्राम बिउलु से लिंक रोड को जो धनराशि स्वीकृति की मांग की थी उसे पीडब्ल्यूडी बजट बुक (कोड संख्या 307-472) के अन्तर्गत अनुमोदित किया गया था और बाद में पीडब्ल्यूडी डिवीजन अर्की द्वारा डीपीआर भी बनाया गया था,लेकिन बजट को लगभग 2 किलोमीटर तक आवंटित नहीं किया जा सका।प्रेम सिंह ने कहा कि इस लिंक रोड का कार्य,जिसे प्रगति प्रदान करना अत्यावश्यक है,लेकिन अभी तक धन की समस्या के कारण शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि आवश्यक धनराशि 3,00,000 (तीन लाख रुपए) कार्यकारी अभियंता एचपी पीडब्ल्यूडी डिवीजन अर्की को उपलब्ध कराई जाए।
नगर एवं ग्राम योजना विभाग के तत्वाधान में गत दिवस कण्डाघाट विकास खण्ड की ग्राम पंचायत चायल में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अन्य को हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम योजना अधिनियम 1977 व चायल विशेष क्षेत्र में लागू नियमों तथा विनियमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता नगर एवं ग्राम योजनाकार लीला श्याम ने की।लीला श्याम ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सम्बन्धित ग्राम पंचायतों में लोगों को नगर एवं ग्राम नियोजन के नियमों की जानकारी दें ताकि सभी निर्माण कार्य योजनाबद्ध तरीके से हों। उन्होंने अपार्टमेंट/रेरा विनियम के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अधिसूचित योजना व विशेष क्षेत्र मे 500 वर्ग मीटर भूमि पर प्लाॅट या 8 से अधिक अपार्टमेंट के निर्माण का विक्रय करना चाहता है तो उसके लिए रेरा के अन्तर्गत पंजीकृत होना आवश्यक है। उन्होनें कहा कि यदि किसी को सोलन जिला में कहीं भी 2500 वर्ग मीटर भूमि पर प्लाॅट या अपार्टमेंट का निर्माण कर उसका विक्रय करना हो तो ऐसे क्षेत्र को डीम्ड योजना क्षेत्र समझा जाएगा। ऐसे क्षेत्र के लिए नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग से स्वीकृति लेना व भू-सम्पदा (रेरा) के अन्तर्गत पंजीकृत होना अनिवार्य है। उन्होंपे कहा कि विभाग द्वारा लोगो की सुविधा के लिए ऑनलाइन योजना स्वीकृति प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। लीला श्याम ने इस अवसर पर लोगों को अवैध निर्माण तथा भविष्य में इससे उत्पन्न होने वाली समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं से निपटने के लिए विभाग की स्वीकृति के बिना कोई भी निर्माण न किया जाए। बैठक में सहायक नगर एवं ग्राम योजनाकार रमेश भारद्वाज ने शहर एवं नगर योजना की आवश्यकता तथा महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने नगर एवं ग्राम योजना अधिनियम 1977 के अधीन राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर अधिसूचित विभिन्न नीतियों एवं नियमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने योजनाबद्ध निर्माण के लाभ भी बताए। उन्होंने कहा कि निर्माण योग्य भूमि का सही आकार होने से अपने गांव एवं शहर योजनाबद्ध विकास होगा। मकान के चारों ओर सैट-बैक्स (खुले स्थान) छोड़ने से मकान में नमी व बीमारियों से राहत, उचित हवा व रोशनी उपलब्ध होगी। इससे प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। उन्होनें कहा कि सीमित मंजिल के मकान जहां सुरक्षित हैं वहीं आवास के भीतर उचित पार्किंग की व्यवस्था सभी के लिए लाभदायक है। योजना अधिकारी राजमोहन सिंह ने हिमाचल प्रदेश टीसीपी विनिमय 1,7 तथा 8 के बारे मे विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश टीसीपी अधिनियम 1977 की धारा 16 (सी) के बारे में पंचायत प्रतिनिधियों अवगत करवाया। प्लाॅट सब डिविजन की उपयोगिता व इसे न करवाने के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 27 मार्च 2009 को जारी अधिसूचना के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण के लिए छूट प्रदान की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में 600 वर्ग मीटर फलोर एरिया तक के तीन मंजिला रिहायशी भवन निर्माण के लिए विभाग की अनुमति की आवश्यकता नहीं है। इसके लिए कोई शुल्क भी देय नहीं है। उन्होंने वर्षा जल संग्रहण टैंक तथा सौर उर्जा के प्रयोग की जानकारी भी दी। बैठक में ग्राम पंचायत चायल की प्रधान उषा शर्मा, ग्राम पंचायत झाझा की प्रधान पुष्पा वर्मा, ग्राम पंचायत सकोड़ी के प्रधान सुरेश कुमार ग्राम पंचायत सैंज के प्रधान देवेन्द्र ठाकुर, ग्राम पंचायत तुंदल की प्रधान चित्ररेखा, वरिष्ठ योजना प्रारूपकार बलराज, प्रारूपकार जसबीर सिंह, मनोहर कौंडल रविन्द्र वर्मा सागर कुमार उपस्थित थे।
हमीरपुर: सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में पेश किए गए बजट को निराशा पूर्ण करार देते हुए कहा है कि इस बजट में न तो सरकार का कोई विजन नजर आया और न ही डबल इंजन की कोई ताकत दिखी है। सिर्फ शब्दों के माया जाल से जनता को बहलाने की कोशिश की गई है। राजेंद्र राणा ने कहा कि सरकार की रीढ़ माने जाने वाले और कारोना काल में अपनी जान जोखिम में डालकर अग्रिम मोर्चे पर ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों को भी कोई आर्थिक लाभ नहीं दिया गया है और ना ही आम आदमी को कमरतोड़ महंगाई से निजात दिलाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा जिस तरह मोदी सरकार द्वारा हर साल 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने का दावा महज शिगूफा ही साबित हुआ है , उसी तरह हिमाचल में भी युवाओं को रोजगार के नारे से भरमाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि इस बजट से आम आदमी के हित गायब हैं और नई बोतल में पुरानी शराब पेश की गई है। राजेंद्र राणा ने कहा कि यह बजट साबित करता है कि प्रदेश सरकार केंद्र के इंजन की बजाए नाबार्ड व वर्ल्ड बैंक सहित अन्य एजेंसियों के लोन पर ही निर्भर है और हर हिमाचली पर लगातार कर्ज बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा लोगों को धरातल पर योजनाओं का क्रियान्वयन चाहिए जबकि सरकारी आंकड़ों के मकड़जाल में जनता को उलझाने की कोशिश कर रही है।
सोलन : आयुष विभाग द्वारा सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड में एनीमिया जागरूकता शिविरों की कड़ी में आज ग्राम पंचायत बढलग तथा आंजी मातला में 226 व्यक्तियों की जांच की गई। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने दी। उन्होनें कहा कि ग्राम पंचायत बढलग में 116 तथा ग्राम पंचायत आंजी मातला में 110 व्यक्तियों की जांच की गई है । उन्होंने कहा कि इसी के साथ धर्मपुर विकास खण्ड में एनीमिया जागरूकता का तृतीय चरण सम्पन्न हो गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर बहुत कम पाया गया उन्हें पूरी जांच के लिए परामर्श दिया गया। डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि इन शिविरों में लोगों को बताया गया कि एनीमिया रोग का पूर्ण निदान सम्भव है तथा उचित पोषाहार के माध्यम से सदैव एनीमिया से बचा जा सकता है। शरीर में रक्त की कमीं के कारण होता है एनिमिआ शरीर में रक्त की कमी के कारण एनीमिया होता है। एनीमिया के कारणों में सबसे प्रमुख कारण शरीर में आयरन की कमी है। जब आपके आहार में लौह तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं होता है, तब व्यक्ति एनीमिया पीड़ित हो जाता है। इसके अलावा अगर किसी भी कारण से शरीर में रक्त की कमी हो जाती है तो भी यह समस्या उत्पन्न होती है। चोट लगने पर खून निकलना, माहवारी या प्रसव में अधिक मात्रा में खून का बहना भी एनीमिया का एक कारण है। निशुल्क वितरित कि गई दवाएं शिविर में लोगों से आग्रह किया गया कि अपने भोजन में नियमित आधार पर फल एवं सब्जियां लें। इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। आज आयोजित शिविरों में आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ. मंजेश शर्मा, डाॅ. प्रियंका सूद, आयुर्वेद विभाग के कर्मचारी वर्धा ठाकुर, दिनेश, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
योजना विभाग का नाम बदल कर अब निति विभाग होगा पहली अप्रैल से विधायकों को मिलेगी पूरी सैलरी , कोरोना महामारी में वेतन से 30 % का दिया था अंशदान गृहणियों को इस साल भी मुफ्त सिलेंडर रिफिल देगी सरकार , 20 करोड़ का बजट हिमाचल प्रदेश गृहणी सुविधा योजना के अंतर्गत अब तक लगबग 2, 92,000 गैस कनेक्शन दिए गए आईटीआई संस्थाओं में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सेवा शुरू की जाएगी बागवानों के लिए एंटी हेल नेट के लिए 60 करोड़ की सब्सिडी दूध का समर्थन मूल्य 2 रूपए बढ़ाया गया हिमाचल ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध 65 सेवाओं को बढ़ाकर 80 किया जाएगा किसानो की आय डबल करने के लिए बनेगा एक्सपर्ट ग्रुप पंचायत चौकीदारों के मानदेय में प्रतिमाह 300 रूपए की वृद्धि न्यू एजुकेशन पॉलिसी में पांचवी कक्षा से आगे टॉप 100 बच्चों को मिलेगी स्कॉलरशिप एसएमसी और आउटसोर्स कम्प्यूटर शिक्षकों के मानदेय में 500 रूपए प्रतिमाह की बढ़ोतरी मिड डे मील वर्कर्स के मानदेय में 300 रूपए की वृद्धि 20 करोड़ रूपए प्राकृतिक खेती खुशाल किसान योजना के लिए वाटर कैरियर का प्रति माह मानदेय 300 रूपए बढ़ाने की घोषणा ऑनलाइन पेयजल कनेक्शन के लिए तैयार होगी ऐप आशा वर्करों का वेतन 750 रूपए बढ़ाया जाएगा शिक्षा क्षेत्र के लिए 2021- 22 में 8024 करोड़ रूपए का प्रावधान नालागढ़ में बनेगा प्लास्टिक पार्क प्रदेश में बनेंगे 2 खिलौना क्लस्टर जून 2021 तक अटल टनल के पास बनेगी पार्किंग लाहौल के सिसु में बनेगा एक टूरिज्म इनफार्मेशन सेंटर सीएम के गृह क्षेत्र सिराज के जनझेली में बनेगा सांस्कृतिक केंद्र
शिमला। प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग ने एनआईसी के सहयोग से एक साॅफ्टवेयर तैयार किया है जिसके माध्यम से इच्छुक आवेदक हिमाचल भवन एवं हिमाचल सदन नई दिल्ली, हिमाचल भवन चण्डीगढ एवं परिधि गृह विलिज पार्क, शिमला में कमरा आरक्षित करवाने के लिए अपने आवेदन ऑनलाइन माध्यम से सामान्य प्रशासन विभाग को प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदक अपने स्मार्ट/एंड्राॅयड फोन से भी https//himatithi.nic.in लिंक पर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। अब अन्य किसी लिखित आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी। प्रार्थी को आरक्षण संबंधी जानकारी भी मोबाइल पर एसएमएस द्वारा उपलब्ध करवा दी जाएगी। यदि आवेदक सरकारी कर्मचारी है व उसे कमरा उपलब्ध न हो पाए और किसी स्थिति में वह विभाग से अनुपलब्धता प्रमाण पत्र (एनएसी) चाहते हैं तो वह भी उन्हें ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिया जाएगा और पूर्व की भांति उन्हें एनएसी प्राप्त करने के लिए अलग से आवेदन प्रस्तुत करने की कोई आवश्यकता नहीं होगी। प्रवक्ता ने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग ने सरकार की अनुमति प्राप्त होने के उपरान्त 25 फरवरी से इस सुविधा को आरम्भ कर दिया है। वर्तमान में वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव व रोकथाम तथा उचित दूरी बनाए रखने व अनावश्यक सम्पर्क से बचने के लिए आरक्षण के कार्य के लिए इस साॅफ्टवेयर का अधिकाधिक प्रयोग करने का आग्रह किया गया है।
शिमला। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों काेराेना केस में हाे रही वृद्धि काे देखते हुए राज्य सरकार आने वाले दिनों में अहम फैसला कर सकती है। पिछले एक सप्ताह के अंदर करीब तीन गुणा काेराेना केस बढ़ चुका है। इसके मद्देनजर आज विधानसभा सदन में माकपा विधायक राकेश सिंघा ने सरकार काे इस संदर्भ में एक्शन लेने की बात कही। जवाब में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में अभी काेराेना खत्म नहीं हुआ है। हमें सतर्क रहने की जरुरत है। सामाजिक दूरियां बनाए रखें और मास्क भी जरुरी है। सीएम ने सदन काे अवगत करवाया कि किसी भी शिक्षण संस्थान में काेराेना के केस बढ़ जाते हैं ताे उस संस्थान काे बंद करने के बारे में विचार करेंगे। उन्हाेंने कहा कि पिछले साल इन्हीं दाैरान यही हाल थे। उन्हाेंने कहा कि नाै मार्च को हाेने वाली कैबिनेट मीटिंग में काेविड प्राेटाेकाॅल समेत अन्य नियमों के संदर्भ में निर्णय लेंगे।
आयुष विभाग द्वारा सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड में एनीमिया जागरूकता शिविरों की कड़ी में आज ग्राम पंचायत धर्मपुर, कोटबेजा तथा बारियां में 389 व्यक्तियों की जांच की गई। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि इन ग्राम पंचायतों ग्राम पंचायत धर्मपुर में 191, ग्राम पंचायत कोटबेजा में 120 तथा ग्राम पंचायत बारियां में 78 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई। उन्होंने कहा कि गत दिवस ग्राम पंचायत सनवारा, भावगुड़ी तथा टकसाल में 537 व्यक्तियों की एनीमिया जांच की गई। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सनवारा में 154, ग्राम पंचायत भावगुड़ी में 104, ग्राम पंचायत छाड़वा में 144 तथा ग्राम पंचायत टकसाल में 135 व्यक्तियों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर बहुत कम पाया गया उन्हें पूरी जांच के लिए परामर्श दिया गया। डाॅ.राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि इन शिविरों में लोगों को बताया गया कि एनीमिया रोग का पूर्ण निदान सम्भव है तथा उचित पोषाहार के माध्यम से सदैव एनीमिया से बचा जा सकता है। शरीर में रक्त की कमी के कारण एनीमिया होता है। एनीमिया के कारणों में सबसे प्रमुख कारण शरीर में आयरन की कमी है। जब आपके आहार में लौह तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं होता है, तब व्यक्ति एनीमिया पीड़ित हो जाता है। इसके अलावा अगर किसी भी कारण से शरीर में रक्त की कमी हो जाती है तो भी यह समस्या उत्पन्न होती है। चोट लगने पर खून निकलना, माहवारी या प्रसव में अधिक मात्रा में खून का बहना भी एनीमिया का एक कारण है। शिविर में लोगों से आग्रह किया गया कि अपने भोजन में नियमित आधार पर फल एवं सब्जियां लें। इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।आज आयोजित शिविरों में आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ. मंजेश शर्मा, डाॅ. प्रियंका, डाॅ. सोनिया धीमान, डाॅ. प्रियंका किमटा, डाॅ. कामिनी, आयुर्वेद विभाग के कर्मचारी वर्धा ठाकरु, दिनेश, शंकर, सोनू, बबली, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 07 मार्च, को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री 07 मार्च, 2021 को प्रातः 10.05 बजे सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री ऐतिहासिक ठोडो मैदान में सोलन जिला के कण्डाघाट उपमण्डल की उठाऊ पेयजल योजना बदरौण, ग्राम पंचायत सतड़ोल के संवर्द्धन कार्य का लोकार्पण करेंगे। वे तदोपरान्त क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की कोविड-19-सघन देखभाल इकाई का लोकार्पण भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ठोडो मैदान सोलन में ही जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटिड के मुख्य कार्यालय भवन की आधारशिला रखेंगे। जयराम ठाकुर गिरी नदी से सोलन शहर की उठाऊ पेयजल योजना के सुधार एवं स्तरोन्नयन कार्य, सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरोट व बसाल की विभिन्न बस्तियों के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना तथा सोलन तहसील की ग्राम पंचायत मशीवर व जौणाजी के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना लगवासन के संवर्द्धन कार्य का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे जिला सोलन की कण्डाघाट तहसील की ग्राम पंचायत कनैर व जधाणा की मैहली चरण-2 उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना की आधारशिला रखेंगे। जयराम ठाकुर तदोपरान्त माॅडल केरियर सेंटर जटोली तथा सोलन की जलापूर्ति प्रणाली के प्रथम चरण के पुनरूद्धार कार्य का शिलान्यास करेंगे। वे ऐतिहासिक ठोडो मैदान सोलन में एक जनसभा को सम्बोधित भी करेंगे। जयराम ठाकुर इसके बाद दिन में 12.40 बजे सांई संजीवनी अस्पताल सोलन में ‘स्वास्थ्य में सहभागिता’ के अन्तर्गत सांई संजीवनी सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। दिन में 2.10 बजे कोठों स्थित मस्क्यूलर डिस्ट्राॅफी पुनर्वास केन्द्र ‘मानव मंदिर’ में निजी वार्ड का लोकार्पण भी करेंगे।


















































