अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस अपने सभी जिलों, ब्लॉकों में बूथ स्तर तक 28 दिसंबर को पार्टी के झंडे तले अपना 139वां स्थापना दिवस मनाएगी। 'हैं तैयार हम' के नाम से होने वाले इस स्थापना दिवस समारोह का अखिल भारतीय स्तर का कार्यक्रम नागपुर में होगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सभी मंत्री, प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में विशेष तौर पर शिरकत करेंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भी स्थापना दिवस पर पार्टी का झंडा फहराया जाएगा व पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों पर संवाद भी होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे पार्टी के स्थापना दिवस पर अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
-सैहब सोसाइटी वर्कर्स यूनियन ने सीटू कार्यालय में बैठक कर जताया रोष -कहा, यूनियन की मांगों का तुरंत समाधान न हुआ तो तेज होगा आंदोलन सैहब सोसाइटी वर्कर्स यूनियन की बैठक सीटू कार्यालय किसान मजदूर भवन चिटकारा पार्क कैथू में हुई। यूनियन ने चेताया है कि अगर सैहब व आउटसोर्स कर्मियों की मांगों का समाधान तुरंत न हुआ तो आंदोलन तेज होगा। सैहब व आउटसोर्स कर्मी नगर निगम की तानाशाही के खिलाफ काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी जारी रखेंगे। सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा व अन्य ने कहा है कि सैहब, आउटसोर्स मजदूरों व सुपरवाइजरों का शोषण हो रहा है। हर महीने एक दर्जन सुपरवाइजरों व सैकड़ों आउटसोर्स कर्मियों का वेतन रोका जा रहा है, जो कि वेतन भुगतान अधिनियम 1936 का उल्लंघन है। सुपरवाइजरों व गारबेज कलेक्टरों के हर महीने वेतन को रोकने के नगर निगम आयुक्त के निर्णय को श्रम अधिकारी शिमला द्वारा गैर कानूनी घोषित किया जा चुका है, बावजूद इसके वे तानाशाही कर रहे हैं। अगर यह परंपरा बंद न की गई तो मजदूर हड़ताल पर उतर जाएंगे। उन्होंने मांग की है कि सैहब वर्कर्स को नियमित कर्मचारी घोषित किया जाए। उन्हें 15वें भारतीय श्रम सम्मेलन, सुप्रीम कोर्ट के सन 1992 के आदेश, सातवें वेतन आयोग की जस्टिस माथुर की सिफारिशों व 26 अक्तूबर 2016 के माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार 26 हज़ार वेतन दिया जाए। उन्हें अतिरिक्त कार्य का अतिरिक्त वेतन दिया जाए। उन्हें कानूनी रूप से 39 छुट्टियां दी जाएं। सैहब में आउटसोर्स में कार्यरत कर्मियों को सैहब के अंतर्गत लाया जाए व उन्हें समय पर वेतन दिया जाए। सैहब कर्मियों को 4-9-14 का लाभ दिया जाए। सभी सैहब सुपरवाइजरों व मजदूरों को सरकार द्वारा घोषित वेतन दिया जाए। सुपरवाइजरों व मजदूरों के लिए पदोन्नति नीति बनाई जाए। उनकी ईपीएफ की बकाया राशि उनके खाते में जमा की जाए। उनसे अतिरिक्त कार्य करवाना बंद किया जाए। बैठक में सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, जिलाध्यक्ष कुलदीप डोगरा, सचिव अमित कुमार, रंजीव कुठियाला, यूनियन अध्यक्ष जसवंत सिंह, महासचिव ओमप्रकाश गर्ग, नरेश ठाकुर, पाला राम मट्टू, सुनील, योगेश, भरत, पवन, नरेंद्र, अमित भाटिया, रूपा, पूनम, शारदा, देवी सिंह, सूरत राम, नरेंद्र, राकेश, नरेश, राहुल, शिव राम, बूटा राम, विक्रम, दिगम्बर, मनोज, अजित आदि शामिल रहे।
-बोले, क्षेत्र के विकास में मील पत्थर साबित होगा यह संयंत्र मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिले के ठियोग के पराला में 100.42 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक फल विधायन संयंत्र का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र क्षेत्र के विकास में मील पत्थर साबित होगा। इस संयंत्र में वाइन, विनेगर तथा जूस तैयार किया जाएगा जिससे क्षेत्र के बागवानों को अपने उत्पाद के उचित दाम मिलेंगे तथा इनसेे बनने वाले उत्पाद तैयार करने में भी तेजी आएगी। मुख्यमंत्री ने एचपीएमसी की संपत्तियों को ठीक ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि बागवानों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि एचपीएमसी के माध्यम से बागवानी औजार, खाद, कीटनाशक तथा फंफूदनाशक सस्ते दामों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बागवानों के हितों को सुरक्षित करने के लिए अनेक कदम उठा रही है तथा भविष्य में भी लेती रहेगी। यूनिट में तैयार किए जाएंगे अलग-अलग उत्पाद: नेगी बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि इस यूनिट में अलग-अलग उत्पाद तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार बागवानों की सुविधा के लिए अनेक योजनाएं लागू कर रही हैं, ताकि बागवानों को आर्थिक तौर पर संबल किया जा सके। क्योंकि बागवानी प्रदेश के लोगों का प्रमुख व्यवसाय है। कांग्रेस सरकारों ने हमेशा ही बागवानों के हितों की रक्षा की : रोहित शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि इस फल विधायन संयंत्र से क्षेत्र में और समृद्धि आएगी तथा बागवानों को अपने उत्पाद के अच्छे दाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने हमेशा ही बागवानों के हितों को रक्षा की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को बेहतर किया जा रहा है। सरकार ने बागवानों के हितों में लिए ऐतिहासिक निर्णय: कुलदीप विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने बागवानों के हितों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं तथा यूनिर्वसल कार्टन प्रणाली को लागू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में किसानों बागवानों के हितों में अनेक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस संयंत्र में स्थानीय लोगों को रोजगार देने में प्राथमिकता दी जाएगी। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, विधायक नंद लाल, विधायक हरीश जनारथा, उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम केहर सिंह खाची, उपाध्यक्ष हिमुडा यशवंत छाजटा, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन रजनीश किमटा, सचिव बागवानी सी. पालरासु, प्रबंध निदेशक एचपीएमसी सुदेश मोक्टा तथा अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिकाओं को तोड़ने पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की है। सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ी गई लोकार्पण पट्टिका की घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज (एफआईआर) करने और क्षतिग्रस्त पट्टिकाओं को पुन: स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार इस प्रकार के मामलों से सख्ती से निपटेगी।
हिमाचल की राजधानी शिमला में आज सुबह करीब 9:15 बजे एक निजी बस खाई में लुढ़क गई। यह बस शिमला से शोघी जा रही थी और इसमें करीब 15 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्री बाल-बाल बच गए। दुर्घटना शिमला-सोलन नेशनल हाइवे पर एमएलए क्रॉसिंग के पास हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक को बचाने के चक्कर में बस खाई में लुढ़क गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया है। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, बालूगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
-हजारों की संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से मनाली जाम -अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर ड्रोन से हो रही निगरानी हिमाचल में क्रिसमस मनाने के लिए देश के कोने-कोने से पर्यटक प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंचे हैं। शिमला, कुल्लू-मनाली, धर्मशाला और डलहौजी के साथ कई जगहों पर सैलानियों की भारी भीड़ जुटी है। हजारों की संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से मनाली तो जाम हो गया है। अटल टनल की ओर जाने वाले पर्यटकों की संख्या अधिक होने के कारण मनाली से अटल टनल और सिस्सू तक वाहन रेंगते रहे। पर्यटकों को वाहनों की रफ्तार धीमी होने के कारण सिस्सू पहुंचने में एक के बजाय तीन से चार घंटे का समय लगा। पर्यटकों की भीड़ से मनाली की सड़कों पर यातायात दबाव बढ़ गया है। मनाली शहर से अटल टनल, वामतट मार्ग, कुल्लू-मनाली हाईवे और हिडिंबा मंदिर के अलावा बंजार, पार्वती घाटी जाने वाली सड़क पर लंबा जाम लगा रहा। मनाली शहर के अंदर के बाइपास मार्ग पर भी वाहन रेंगते रहे। पुलिस के मुताबिक क्रिसमस के लिए मनाली में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि वाहनों का दबाव अधिक बढ़ गया। इस वजह से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य किया। वहीं, क्रिसमस के अवसर पर और नए साल से पहले यहां आने वाले पर्यटकों की भारी संख्या को देखते हुए लाहौल और स्पीति पुलिस सिस्सू में अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पर ड्रोन से निगरानी कर रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रसिद्ध लेखिका मीनाक्षी चौधरी और प्रतिभाशाली युवाओं गौरी चौहान (12 वर्ष), अथर्व वत्स (14 वर्ष) और सिरिशा चौहान (19 वर्ष) के सहयोग से लिखी गई तीन पुस्तकों का विमोचन किया। 'पहाड़ों की रानी' शिमला पर केंद्रित यह पुस्तकें शिमला इन्वेस्टिगेटर्स सिरीज़ का हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने इन साहित्यिक कृतियों को तैयार करने में युवा लेखकों के कौशल व समर्पण की सराहना की। पहली पुस्तक, 'लॉस्ट इन दि एप्पल कंट्री', मीनाक्षी चौधरी और कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी शिमला की छात्रा गौरी चौहान द्वारा सह-लिखित है, जिसमें सेब बहुल क्षेत्र जुब्बल से जुड़े रहस्य, विश्वासघात और आश्चर्य का आकर्षक प्रस्तुतिकरण किया गया है। दूसरी पुस्तक 'द फेटल अराइवल', मीनाक्षी और मॉडर्न स्कूल, कुंडली, सोनीपत, हरियाणा के नौवीं कक्षा के छात्र अथर्व वत्स के सहयोग से लिखी गई है। यह पुस्तक त्रासदी, ड्रग्स और अपहरण की एक मनोरंजक गाथा बुनती है। तीसरी पुस्तक 'द डेडली किटी' मीनाक्षी चौधरी द्वारा डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, सोलन की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा सिरिशा चौहान के सहयोग से लिखी गई है। इस किताब में महिलाओं की किट्टी पार्टी के संसार की रोमांचक यात्रा का वर्णन है जो हत्या, रहस्य और साजिश जैसे पहलुओं पर आधारित हैं।
-पहले दिन 450 महिलाओं की महानाटी रही मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ऐतिहासिक रिज मैदान पर शिमला विंटर कार्निवाल का शुभांरभ किया। उन्होंने कहा कि शिमला में विंटर कार्निवाल का आयोजन पहली बार किया जा रहा है और इससे शहर के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि शिमला विंटर कार्निवल 5 जनवरी तक चलेगा तथा इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान लगभग 450 महिलाओं ने महानाटी प्रस्तुत की, जिसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहीं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मॉनसून के दौरान बहुत नुकसान हुआ तथा पर्यटन क्षेत्र भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ था। आपदा के दौरान प्रदेश सरकार ने दिन-रात मेहनत की तथा अब हिमाचल प्रदेश के सभी पर्यटन स्थल पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दो दिन में हिमाचल प्रदेश में 30 हजार पर्यटक वाहन आए हैं जो कि प्रदेश में पर्यटन उद्योग के एक बार फिर से खड़ा होने के अच्छे संकेत हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र का हिमाचल की आर्थिकी में बहुत बड़ा योगदान है तथा प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पर्यटन क्षेत्र के लिए पूर्व के 50 करोड़ बजट के स्थान पर वर्तमान राज्य सरकार द्वारा 3 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों का स्वागत अतिथि देव भव: की परंपरा के अनुरूप किया जा रहा है। सैलानियों के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे होटल व रेस्टोरेंट मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य के सभी रेस्तरां तथा ढाबों सहित खाने की अन्य दुकानों को 20 दिसंबर से 5 जनवरी तक चौबिसों घंटे खुला रखने की छूट दी है। मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को आपदा से उबारने में प्रदेशवासियों केे साथ-साथ पर्यटकों के भरपूर सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। सीएम ने सभी को क्रिसमस और नव वर्ष की शुभकामनाएं भी दीं। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने रिज पर लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया, जिसमें जिला प्रशासन शिमला सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री का कार्निवल में पहुंचने पर पारंपरिक लोक गीत-संगीत के बीच स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश की लोक संस्कृति पर आधारित कुल्लवी नाटी तथा सिरमौर जिला के सिंगटु सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पांच जनवरी तक चलने वाले शिमला विंटर कार्निवाल में हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति के प्रदर्शन के साथ-साथ देसी पकवानों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इसके साथ-साथ इस आयोजन के दौरान लेजर शो भी प्रस्तुत किया गया।
-पराला में प्रोसेसिंग प्लांट का करेंगे उद्घाटन -ठियोग के आलू मैदान में होगा कार्यक्रम -कुलदीप राठौर ने दौरे को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को ठियोग में आपदा प्रभावित लोगों को राहत राशि के चेक बाटेंगे। ठियोग के आलू मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सीएम पराला में बने फ्रूट प्रोसेसिंग प्लांट का भी उद्घाटन करेंगे। स्थानीय विधायक व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप राठौर भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। कुलदीप राठौर ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सोमवार को सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एडीएम ज्योति राणा, एसडीएम ठियोग, तहसीलदार सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद विधायक कुलदीप राठौर ने अधिकारियों के साथ ठियोग के आलू मैदान का निरीक्षण किया। वहां पर कार्यक्रम स्थल देखा व अन्य व्यवस्थाओं का भी जायाजा लिया। कुलदीप राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री मंगलवार को ठियोग विधानसभा क्षेत्र आ रहे हैं। ठियोग पधारने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह आपदा प्रभावित लोगों को राहत राशि का चेक वितरत करेंगे। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के कई मसले मुख्यमंत्री के समक्ष रखे जाएंगे। कुलदीप राठौर ने कहा कि ठियोग विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा बनाने का उनका प्रयास लगातार जारी है। कई नए प्रोजेक्ट हैं, जिन पर वह कार्य कर रहे हैं। पर्यटन की दृष्टि से ऊपरी शिमला में काफी संभावनाएं हैं, उन पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को सीएम का भव्य स्वागत होगा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शिमला ग्रामीण अतुल शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष ठियोग नरेंद्र कंवर नगर परिषद ठियोग अध्यक्ष उपाध्यक्ष सहित अन्य पार्टी के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
-सैलानियों से पैक हुए प्रदेश के सभी पर्यटन स्थल -शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में उमड़ा सैलाब बरसात में आई आपदा की मार झेल चुके हिमाचल को क्रिसमस ने राहत दी है। प्राकृतिक आपदा के बाद पहली बार क्रिसमस पर राज्य के करीब सभी पर्यटन स्थल सैलानियों से पैक हो गए हैं। अगले एक हफ्ते पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को करोड़ों रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। हालांकि कसौली और चायल में अपेक्षाकृत कम भीड़ है। सैलानी ऐसे पर्यटन स्थलों को तरजीह दे रहे हैं, जहां आसपास बर्फ के दीदार हो सकें। दिल्ली से आने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें, पर्यटन विकास निगम की बसें और निजी वोल्वो पैक चल रही हैं। शिमला में एक सप्ताह तक लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान शिमला के रिज मैदान पर पहली बार विंटर कार्निवाल का आयोजन हो रहा है। यहां आज से शुरू होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम न्यू ईयर तक चलेंगे। उेसे में जाम से निपटने के लिए शिमला में आज से एक सप्ताह तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
-बोले, टनल से न केवल यातायात की समस्या हल होगी, पर्यटन को भी मिलेगा बल -55 मीटर लंबी सुरंग में दोनों ओर बने हैं फुटपाथ, दीवारों पर 200 चित्र शिमला के संजौली और ढली को जोड़ने वाली ढली डबल लेन टनल का आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उद्घाटन किया और आम जनता के लिए इसे खोल दिया गया है। इससे पहले यहां 172 वर्ष पुरानी सुरंग से ही आवाजाही हो रही थी, जो कि वन वे थी, जिससे यहां ट्रैफिक जाम लगा रहता था। अब डबल लेन टनल बनने से जाम से निजात मिलेगी। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले टनल का कार्य धीमी गति से चल रहा था, कांग्रेस सरकार के आने के बाद कार्य में तेजी लाई गई। टनल से न केवल यातायात की समस्या हल होगी, बल्कि पर्यटन को भी बल मिलेगा। नई टनल 155 मीटर लंबी है और इसमें दोनों ओर फुटपाथ की सुविधा है। दीवारों पर हिमाचली संस्कृति से जुड़े करीब 200 चित्र बनाए गए हैं।
-नए साल में बारिश और बर्फबारी होने की उम्मीद -हालांकि 28 तक पूरे प्रदेश में साफ रहेगा मौसम हिमाचल प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय इलाकों में 29 और 30 दिसंबर को बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। ऐसे में नए साल में बारिश और बर्फबारी होने की उम्मीद जग गई है। हिमाचल प्रदेश में भले ही क्रिसमस पर मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी, लेकिन 29 दिसंबर से एक बार फिर मौसम खराब हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 29 और 30 दिसंबर को बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। ऐसे में नए साल पर बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जग गई है। हालांकि 28 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। उधर, रविवार को भी प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिलने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में सुधार हुआ है। शिमला, धर्मशाला, डलहौजी, कुल्लू और मनाली के तापमान में सुधार हुआ है।
-विधानसभा सत्र में इन झूठी गारंटियों का जवाब नहीं दे पाई सरकार -कहा, सदन के अंदर और बाहर कांग्रेस को याद दिलाती रहेगी भाजपा नेता प्रतिपक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि चुनावी गारंटियां प्रदेश की कांग्रेस सरकार के गले पड़ गई हैं। झूठी गारंटियां देने वाले इनके छत्तीसगढ़ और राजस्थान के नेता तो घर बैठ गए हैं, लेकिन हिमाचल की जनता को वोट बैंक की खातिर धोखा देकर इन्होंने हजारों करोड़ के बोझ तले दबने को विवश कर दिया है। एक साल में जो सरकार 14 हजार करोड़ रुपए का ऋण ले चुकी है वो आगे पांच वर्ष कितना बोझ हिमाचल पर डालने जा रही है उसका अभी से अनुमान लगाया जा सकता है। भाजपा अब तक तक चुप नहीं बैठेगी जब तक ये सरकार अपनी दी इन गारंटियो को पूरा नहीं करती। भाजपा आगे भी सदन के अंदर और बाहर कांग्रेस को इसकी याद दिलाती रहेगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार से इन झूठी गारंटियों का जवाब देते नहीं बन पा रहा था। पूरी सरकार सत्र में असहज दिखी। भाजपा विधायक दल और पार्टी ने तय किया था कि सरकार को इनकी चुनावों में दी गारंटियां विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह याद दिलाई जाए जो इन्होंने एक वर्ष पूर्व सत्ता में आने से पहले जनता को दी थी। एक वर्ष बीत गया लेकिन अभी भी कोई गारंटी धरातल पर नहीं उतरी है। सबसे बड़ा छल इन्होंने महिलाओं, बेरोजगारों और किसानों से किया है। सरकार की कमियों को इंगित करना विपक्ष का काम जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष का काम सरकार की कमियों को इंगित करने का है, चाहे वह सरकार को पसंद आये या न आये लेकिन यह विपक्ष की लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बाकी राज्यों के मुकाबले हिमाचल प्रदेश में जो लोकतांत्रिक व्यवस्था है वह बहुत स्वस्थ और बेहतर है। उन्होंने पक्ष तथा विपक्ष के सदस्यों का भी अपने क्षेत्र से संबंधित मुद्दों को इस सदन में संजीदगी से उठाने के लिए धन्यवाद किया और कहा कि सदन में विभिन्न विषयों पर बहुत ही सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच में नोकझोंक चलती रहती है लेकिन प्रदेशहित के सुझावों पर सरकार द्वारा अमल भी किया जाता है। उप राष्ट्रपति का उपहास संवैधानिक पदों का अपमान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोकसभा के बाहर संसद से निलंबित सांसदों द्वारा नुक्कड़ सभा में उप राष्ट्रपति के उपहास को संवैधानिक पदों का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि बेशर्मी की हद देखिए कांग्रेस पार्टी के सांसद राहुल गांधी इस घटना का स्वयं वीडियो बना रहे थे और हंसते हुए विपक्षी सांसदों को ऐसा करने के लिए उकसा रहे थे जो बेहद हैरानी की बात है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्रिसमस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि क्रिसमस ईसा मसीह के सत्य, प्रेम और भाईचारे के मार्ग पर निरन्तर चलने के गहन संदेश की याद दिलाता है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह त्योहार मानव जाति को सद्भाव से रहने और एक-दूसरे की देखभाल करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह का जीवन और महान शिक्षाएं आज कहीं अधिक प्रासंगिक हैं क्योंकि वे नि:स्वार्थ सेवा, दया और मानवता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि क्रिसमस का पवित्र अवसर विश्वभर में शांति और प्रेम के संदेश को स्थापित करेगा और राज्य के लोगों के बीच एकजुटता को बढ़ावा देगा।
लाहौल-स्पीति जिले में आज एक बहुत ही दर्दनाक सड़क दुर्घटना पेश आई है। लाहौल में हिडिंबा मंदिर के समीप दोपहर बाद करीब तीन बजे हुए हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। ये लोग पांगी से मनाली की तरफ जा रहा थे, मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। गाड़ी में नेवी जवान के साथ उसके माता-पिता थे। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस चौकी जाहलमा की टीम मौके पर पहुंच गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
-नाराज चल रहे विधायकों सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा को भी बुलाया कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश, कैबिनेट मंत्रियों और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को दिल्ली बुलाया है। 27 दिसंबर को होने वाली इस बैठक में कांग्रेस के दो विधायकों सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा को भी बुलाया गया है। ये दोनों विधायक मंत्री पद न मिलने से नाराज हैं। बता दें कि अभी हाल ही में प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ है, लेकिन वरिष्ठ नेता होने के बावजूद भी इन दोनों को मंत्री पद नहीं मिला है। ऐसे में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी को एकजुट करने और भविष्य की अन्य राजनीतिक संभावनाओं को तलाशने के लिए 27 दिसंबर को दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। गौरतलब है कि शनिवार देर रात को मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व मंत्री और धर्मशाला से कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा के घर जाकर उनसे मुलाकात भी की थी। ऐसे में इस बैठक के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। वाद्य यंत्रों से किया स्वागत
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने क्रिसमस पर प्रदेशवासियों विशेष तौर पर ईसाई समुदाय को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। प्रतिभा सिंह ने एक संदेश में कहा है कि 25 दिसंबर का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। एक ओर जहां हिन्दू इसे बड़े दिन के तौर पर मनाते है वही ईसाई धर्म के लोग इस दिन को प्रभु ईसा मसीह के जन्मदिन के तौर पर मनाते है। यह दिन हमें आपसी प्रेम सौहार्द के पथ पर भी आगे बढ़ने को प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) परियोजना 'प्रॉसिक्यूशन पिलर' के सफल कार्यान्वयन में पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल करने पर राज्य के अभियोजन विभाग को बधाई दी। विभाग को हाल ही में दिल्ली में अपराध और अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क और सिस्टम/आईसीजेएस में 'गुड प्रेक्टिसिज' पर आयोजित 5वें सम्मेलन के दौरान सम्मानित किया गया। इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक तपन डेका ने आज यहां सुखविंदर सिंह सुक्खू की गरिमामय उपस्थिति में गृह सचिव अभिषेक जैन और अभियोजन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर अभिषेक जैन ने मुख्यमंत्री को आईसीजेएस कार्यक्रम और अखिल भारतीय ई-प्रोसिक्यूशन पोर्टल के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि विभाग भविष्य में भी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करेगा ताकि गरीबों और जरूरतमंदों को शीघ्र न्याय दिलाया जा सके।
-खाद्य आपूर्ति निगम ने प्रति पैकेट 4 रुपये बढ़ाए दाम हिमाचल प्रदेश के सरकारी राशन डिपुओं में चीनी के बाद अब सरसों का तेल भी महंगा हो गया है। सरकार ने प्रति पैकेट चार रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से बढ़ी हुई कीमतें इसी माह से लागू कर दी गई हैं। इससे प्रदेश के करीब 19 लाख उपभोक्ताओं को महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। उपभोक्ताओं को बीते माह 110 रुपये सरसों का तेल दिया गया था। लेकिन, अब 114 रुपये प्रति पैकेट दिया जाएगा। सभी कार्ड धारकों के लिए एक ही दाम गौर रहे कि कांग्रेस सरकार ने कुछ माह पहले एपीएल, बीपीएल और एनएफएसए समेत सभी कार्ड धारकों को तेल के एक ही दाम तय कर दिए थे। जिसके बाद अब सभी को एक ही दरों पर तेल उपलब्ध होता है। अधिकारियों के अनुसार तेल के दाम टेंडर पर निर्धारित होते हैं। जो हर माह बढ़ते-घटते हैं। लेकिन बीते कई माह से इसके दाम 110 रुपये पर टिके हुए थे। जो अब सरकार की ओर से फिर बढ़ा दिए गए हैं। वहीं इससे पहले इसी माह सरकार ने चीनी के दाम भी 30 रुपये से बढ़ाकर 33 रुपये प्रतिकिलो कर दिए थे, जो अगले माह से मिलेगी। वहीं मलका की दाल में भी नौ रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। यह दाल पहले एपीएल परिवारों को पहले 64 रुपये प्रति पैकेट दिया जा रहा था, अब 73 रुपये मिल रहा है। साथ ही एनएफएसए व अन्य कार्ड धारकों को 54 रुपये बढाकर 63 रुपये कर दिया है। उधर, खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने बताया कि राशन डिपुओं में आने वाले राशन और तेल के दाम ऑनलाइन अपडेट होते हैं। जिसका पता पीओएस मशीनों में ही लग पाता है।
-विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन कैग ने रखी रिपोर्ट धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल विधानसभा के पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन कैग की रिपोर्ट रखी गई। इसमें प्रदेश सरकार पर कर्ज और चुकाई जाने वाली ब्याज की राशि का ब्योरा पेश किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक वर्तमान में हिमाचल पर 86 हजार 589 करोड़ का कर्ज है। बीते साल में सरकार ने 13 हजार 55 करोड़ रुपये कर्ज उठाया। वहीं, राजस्व घाटा 6 हजार 335 करोड़ बताया गया है, जो 2021-22 के 7 हजार 962 करोड़ से कुछ कम है। वित्तीय वर्ष 2022-23 की इस रिपोर्ट के मुताबिक 2021-22 और 2022-23 में सरकार ने करीब 4 हजार 242 करोड़ की राशि खर्च की, लेकिन विभिन्न एजेंसियों से यूसी सर्टिफिकेट नहीं लिए। कैग ने इस पर सवाल उठाते हुए सरकार से इस बारे में आवश्यक कदम उठाने की बात कही है। छठा वेतन आयोग लागू होने से वेतन व पेंशन पर खर्च बढ़ा रिपोर्ट के मुताबिक जहां साल 2021-22 में वेतन पर 11 हजार 641 करोड़ रुपये सालाना खर्च हो रहा था, वहीं छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने के बाद इसमें चार हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ हर साल वेतन पर खर्च 15 हजार 669 करोड़ पहुंच गया है। वहीं, पेंशन के भुगतान पर भी खर्च की राशि 2021-22 के 6 हजार 88 करोड़ से बढ़कर 2022-23 में 9 हजार 283 करोड़ से अधिक हो गई। लगातार कर्ज लेने से सरकार को ब्याज पर भी 2021-22 के 4 हजार 472 करोड़ के मुकाबले 2022-23 के 4 हजार 828 करोड़ रुपये खर्च करना पड़ा। इसी तरह लोक लुभावन घोषणाओं को पूरा करने के लिए सरकार द्वारा उपदानों पर खर्च की जा रही राशि भी 2021-22 के 1240 करोड़ से बढ़कर 2022-23 में 1973 करोड़ तक पहुंच गई है।
-लोगों को खूब पसंद आए हिमाचली व्यंजन, टोपी और अन्य उत्पाद कर्नाटक के बेलगावी में चल रहे पांच दिवसीय राष्ट्रीय रोवर रेंजर कार्निवल में हिमाचली व्यंजनों और हिमाचली टोपी की धूम मची रही। राजकीय महाविद्यालय ढलियारा की रोवर रेंजर की नौ सदस्यीय टीम इस कार्निवल में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही है, जिसका नेतृत्व महाविद्यालय के रोवर लीडर प्रो. धर्मेंद्र सिंह कर रहे हैं। पूरे प्रदेश से इस बार ढलियारा महाविद्यालय को राष्ट्रीय कार्निवल में प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर राज्य मुख्यालय द्वारा प्रदान किया गया है। कार्निवल में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें पूरे देश से आए प्रतिभागियों में हिमाचली वाद्य यंत्रों एवं हिमाचली टोपी पहनकर फोटो खिंचवाने की होड़ लगी रही। हिमाचली धाटू, मफलर और कुल्लू शॉल ने भी सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। हिमाचल की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महाविद्यालय के रोवर रेंजर हिमाचल के पारंपरिक परिधान में नजर आए, जिन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। रोवर रेंजर ने फूड प्लाजा में भी खूब वाहवाही लूटी, विशेषकर हिमाचली सिड्डू के तो सभी दीवाने हो गए। इसके अलावा कांगड़ी मदरा, गलगल का खट्टा, मंडी की सेपू बड़ी और पारंपरिक छा गोस्त भी सभी के मन को भाया। रात्रि में लोक नृत्य प्रतियोगिता में भी ढलियारा महाविद्यालय के स्काउट्स ने पारंपरिक सिरमौरी देव नाटी पूजा करनी बिज्टो री पर सुंदर नाटी डाली, जिसने पूरे देश से आए प्रतिभागियों को झूमने पर मजबूर कर दिया और दक्षिण भारत में एक बार सभी को हिमाचल दर्शन करवा दिए।
-प्रदेश विधानसभा का 5 दिवसीय शीतकालीन सत्र में सदस्यों ने सरकार से पूछे 471 प्रश्न हिमाचल प्रदेश विधानसभा का 5 दिवसीय शीतकालीन सत्र धर्मशाला के तपोवन में शनिवार को संपन्न हो गया। सत्र में कुल पांच बैठेंगे आयोजित की गईं। वहीं सदन की कार्यवाही कुल 33 घंटे चली। सत्र में विधानसभा के सदस्यों द्वारा सरकार से 471 प्रश्न पूछे गए, जिसमें से 348 प्रश्न तारांकित तथा 123 अतारांकित थे। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि 14वीं विधानसभा का चौथा सत्र अपेक्षा अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि सत्र में मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित दस्तावेज भी रखे तथा महत्वपूर्ण वक्तव्य भी दिए। पठानिया ने सदन की कार्यवाही संपन्न होने पर मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष तथा सहित संसदीय कार्य मंत्री का भी धन्यवाद किया।
-हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा रहे मुख्य अतिथि -बोले, छात्र संगठन बधाई का पात्र; अन्य संगठन भी लें प्रेरणा ननखड़ी छात्र संगठन की ओर से शनिवार को रिज मैदान पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संगठन के पदाधिकारी, सदस्य, स्थानीय लोगों सहित अन्य राज्यों से आए पर्यटकों ने भी रक्तदान किया। शिविर में 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव व हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। सर्दियों के दिनों में आईजीएमसी, रिपन व केएनएच अस्पतालों में खून की कमी होती है। खासकर अस्पतालों में एबी पॉजीटिव, ए पॉजीटिव, ए नेगेटिव रक्त की कमी रहती है। लोगों को रक्त के लिए चक्कर काटने पड़ते हैं। ऐसे में युवाओं ने इस शिविर को लगाने का बीड़ा उठाया, ताकि लोगों को रक्त की कमी से न जूझना पड़े। छात्रों को नेक कार्य के लिए दी बधाई यशवंत छाजटा ने ननखड़ी छात्र संगठन के सभी पदाधिकारियों को इस नेक कार्य के लिए बधाई दी। कहा कि छात्र संगठन का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हंै, समाज सेवा में उनका योगदान काफी अहम है। छाजटा ने कहा कि रक्तदान महादान है। युवाओं को इसमें बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इस तरह के कार्यक्रमों से अन्य संगठनों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने संगठन के अध्यक्ष को बधाई दी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव यशपाल तनाईक प्रदेश सचिव राजेश वर्मा एवं जिला शहरी उपाध्यक्ष जीत राम पवार भी इस दौरान मौजूद थे। वहीं, ननखड़ी छात्र संगठन के अध्यक्ष ऋषव ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहर के अस्पतालों में किसी को भी खून की कमी न हो, इसके लिए यह शिविर लगाया गया था।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महासचिव यशपाल तनाईक ने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। वे सांसद को खुली चुनौती देते हैं कि कश्यप अपने 5 वर्ष के कार्यकाल की एक भी ऐसी उपलब्धि बता दें, जिससे पूरे क्षेत्र को कोई लाभ पहुंचा हो। केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के बावजूद भी सांसद राष्ट्रीय उच्च मार्ग, जोकि केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी द्वारा घोषित किए गए थे, उनकी स्वीकृतियां लेने में पूरी तरह असफल रहे। सांसद अपने संसदीय क्षेत्र में कोई स्वास्थ्य सुधार नहीं करवा पाए। पूर्व सरकार के समय अपने दल के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए भी सरकार से अपने क्षेत्र में बेरोजगार युवाओं के लिए कोई रोजगार की योजना नहीं ले पाद। शिमला जिला के दुर्गम क्षेत्र डोडरा कंवार व चौपाल क्षेत्र के सुदूरवर्ती इलाके नेवल किरण, कुपवी तहसील को जनजाति क्षेत्र में शामिल करवाने में इन्होंने कोई रूचि नहीं दिखाई, वहीं सिरमौर जिला के लोगों को भी अभी तक इसकी सही अधिसूचना जारी न करके इसका लाभ लेने से लोगों को वंचित रखा है। यशपाल तनाईक ने कहा कि सुरेश कश्यप शिमला संसदीय क्षेत्र के अब तक के सबसे निष्क्रिय सांसद साबित हुए हैं, जिन्होंने न तो कोई गंभीर विषय संसद के भीतर उठाया और न ही लोगों की समस्या को गंभीरता से लिया, जिसका सबक इन्हें क्षेत्र की जनता आने वाले लोकसभा चुनाव में सिखाएगी।
-पेयजल परियोजनाओं के साथ नदी-नाले भी जम गए -क्रिसमस से पूर्व बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे चहके हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मौसम ने करवट ली है। आज कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले की चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रा के साथ, बारालाचा, कुंजम दर्रा सहित ऊंची चोटियों में सुबह से बर्फबारी का दौर जारी रहा। मौसम में आए इस बदलाव से पूरी घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है। तापमान शून्य तक पहुंचने से पेयजल स्कीमों के साथ नदी-नाले भी जम गए हैं। क्रिसमस से पूर्व हो रही बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं। खराब मौसम के बीच भी शनिवार को सैलानी अटल टनल, कोकसर तथा सिस्सू में पर्यटक पहुंचे हैं। वहीं, राजधानी शिमला व आसपास भागों में भी आज सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में आज बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 24 से 29 दिसंबर तक राज्य क सभी भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
-फलों के दाम तय करने की गारंटी को लेकर सरकार पर बोला हमला -प्रदेश के बागवानों के साथ धोखा करने के लगाए आरोप विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन भी विपक्ष ने कांग्रेस सरकार की गारंटियों को लेकर सदन के बाहर खूब हल्ला बोला। विपक्ष के विधायक सेब की पेटियां लेकर पहुंचे और सरकार से पूछा कि सरकार ने बागवानों को फलों के दाम खुद तय करने की जो गारंटी दी थी, वो कब पूरी होगी। विपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बागवानों के साथ धोखा किया है, जो बर्दाश्त नहीं होगा। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले 10 गारंटियां दी थीं, जिनमें एक गारंटी बागवानों को उनके फलों के दाम खुद तय करने की दी थी, जिसे अभी तक पूरा नहीं किया गया है। किसान-बागवान जब सरकार के पास इस गारंटी को लेकर पहुंचे तो सरकार ने कहा कि दुनिया में कहीं भी ऐसा कानून नहीं है, जहां पर बागवान खुद अपने फलों का दाम तय कर सकते हों। जयराम ठाकुर ने कहा कि जब ऐसा कानून ही नहीं है तो कांग्रेस ने बागवानों को यह झूठी गारंटी क्यों दी।
-केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने 14वें एग्रीकल्चर लीडरशिप कॉनक्लेव-2023 में दिया सम्मान हिमाचल प्रदेश को देशभर में सर्वश्रेष्ठ बागवानी राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रदेश को यह पुरस्कार एग्रीकलचर टुडे ग्रुप द्वारा नई दिल्ली में आयोजित 14वें एग्रीकल्चर लीडरशिप कॉनक्लेव-2023 के अवसर पर प्रदान किया। प्रदेश की ओर से यह पुरस्कार बागवानी सचिव सी. पॉलरासु ने प्राप्त किया। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने सर्वश्रेष्ठ बागवानी राज्य का पुरस्कार प्राप्त होने पर राज्य के किसानों और बागवानों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार बागवानी क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में राज्य में उच्च घनत्व बागवानी पर विशेष बल दिया जा रहा है। प्रदेश में कम बागवानी वाले क्षेत्रों में बागवानी के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। इससे युवाओं को स्वरोज़गार के अवसर सृजित करने के साथ-साथ क्षेत्र की बागवानी भी सुदृढ़ हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बागवानी विकास रणनीति तथा नियोजन कार्य योजना 2023-2032 तैयार की गई है ताकि आवश्यकता के अनुसार अवसंरचनाओं और ढांचागत सुविधाओं का सृजन किया जा सके।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गणित विभाग में प्रसिद्ध भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन का 136वां जन्म दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गणित विभाग प्रोफेसर एवं अधिष्ठाता योजना एवं अध्यापक मामले प्रोफेसर जोगेंद्र सिंह धीमान ने अपने व्याख्यान व गणित विषय में टीचिंग एंड लर्निंग के माध्यम से विभाग के छात्रों तथा शोधार्थियों को गणित को अच्छी तरह से समझने एवं पढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने गणित के हर एक कांसेप्ट को अच्छी तरह से बच्चों तक पहुंचने के लिए विभाग के छात्रों तथा शोधार्थियों का आह्वान किया। गणित को सभी विषयों में उपयोग का महत्व समझाते हुए उन्होंने गणित को सभी विषयों का आवश्यक एवं निर्णायक अंग माना। इस समारोह में गणित विभाग के सभी छात्रों शोधार्थियों एवं आचार्यों ने भाग लिया। प्रोफेसर धीमान अपने वक्तव्य में बहुत कारगर तरीके से बताया की गणित किस तरह से हमारे शास्त्रों को समझने में तथा प्राचीन विभिन्न श्लोक को समझने में हमारी मदद करता है।
प्रवर अधीक्षक डाकघर, शिमला मंडल द्वारा सूचित किया जाता है कि शिमला मण्डल कार्यालय में पैंशन अदालत दिनांक 29 दिसंबर को आयोजित होनी निश्चित हुई है। इस दिन अदालत डाक पैंशन भोगियों, फेमिली पेंशन भोगियों की पेंशन संबंधी शिकायतें सुनेगी। यदि ऐसी कोई शिकायत हो तो उसे कार्यालय प्रवर अधीक्षक डाकघर, शिमला मंडल - 171001 को 26 दिसंबर तक अवश्य भेजें।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज रेडक्रॉस भवन शिमला में लायंस क्लब शिमला के सहयोग से राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने रक्तदाताओं के साथ संवाद करते हुए परोपकारी कार्य के लिए उनकी नि:स्वार्थ सेवा की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य रेडक्रॉस अपनी विभिन्न शाखाओं के माध्यम से आम जनता में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ ऐसे शिविरों के आयोजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा की उत्कृष्ट मिसाल है। इस अवसर पर राज्यपाल ने रक्तदाता प्रमाण पत्र भी प्रदान किये। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा, नगर निगम शिमला की पूर्व महापौर कुसुम सदरेट और लायंस क्लब शिमला के अध्यक्ष विकास सेठ उपस्थित थे।
-मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया 'दिव्य पूजा प्रणाली' का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज राज्य की पहली ऑनलाइन पूजा प्रणाली 'दिव्य पूजा प्रणाली' का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से भक्तों को घर बैठे ही ऑनलाइन पूजा की सुविधा उपलब्ध होगी। कांगड़ा जिला के माता ब्रजेश्वरी मंदिर, माता चामुंडा मंदिर और माता ज्वालामुखी मंदिर में वेबसाइट http://kangratemples.hp.gov.in के माध्यम से वर्चुअल पूजा की सुविधा प्रदान की गई है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालु किसी भी स्थान से ऑनलाइन पूजा और मंदिरों के लिए दर्शन पर्ची प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रणाली के माध्यम से भक्तों के लिए दान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया गया है। दान की गई राशि की ऑनलाइन रसीद की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि वेबसाइट पर विशेष अवसरों के लिए ई-पूजा बुकिंग, सराय बुकिंग, ऑनलाइन प्रसाद प्राप्त करने, ऑनलाइन दान करने के साथ-साथ मूर्तियों तथा पुस्तकों सहित धार्मिक वस्तुओं की खरीद की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। जिला प्रशासन ने भक्तों के घरद्वार तक इन वस्तुओं की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भारतीय डाक विभाग के साथ समन्वय किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कदम उठा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चामुंडा नंदिकेश्वर मंदिर ट्रस्ट का वर्ष 2024 का कैलेंडर भी जारी किया। कांगड़ा के उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने ऑनलाइन पूजा प्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, कैबिनेट मंत्री यादविन्द्र गोमा, पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली, मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल और संजय अवस्थी, विधायक केवल सिंह पठानिया, संजय रतन, सुदर्शन बबलू, विनोद सुल्तानपुरी, आईडी लखनपाल, चैतन्य शर्मा, मलेंदर राजन सहित अन्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
-चायल में हुआ वन रक्षकों के 71वें प्रशिक्षण सत्र का दीक्षांत समारोह वन प्रशिक्षण संस्थान चायल में आज वन रक्षकों के 71वें प्रशिक्षण सत्र के दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें प्रदीप ठाकुर भारतीय वन सेवा, अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल (शोध एवं प्रशिक्षण) वन विभाग हिमाचल प्रदेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वन प्रशिक्षण संस्थान चायल की निदेशिका संगीता महला ने मुख्य अतिथि का संस्थान की ओर से स्वागत किया। इस प्रशिक्षण सत्र में चंबा, धर्मशाला, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, नाहन, रामपुर, शिमला, वन्यप्राणी धर्मशाला व वन्यप्राणी शिमला के 45 प्रशिक्षणाथियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण किया एवं सभी उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र, मेडल व ट्राफी वितरित किए। 71वें बैच में टॉपर मंडी वन मंडल के धर्म पाल, द्वितीय स्थान पर वन मंडल सुकेत ने रोशन लाल व तृतीय स्थान पर कुल्लू वन मंडल ने विकास चंद रहे। मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर वन मंडल ठियोग के अंकुश राजवंश, द्वितीय स्थान पर वन मंडल चुराह के तेज सिंह व तृतीय स्थान पर वन मंडल नूरपुर के संजय कुमार रहे। 71वें बैच के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु का पुरस्कार वन मंडल मंडी के धर्म पाल को दिया गया। वहीं, मुख्य अतिथि ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रशिक्षुओं को अपने कार्य क्षेत्र में जाकर प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त किया ज्ञान को समुचित रूप से जनता के लाभ के लिए नियम-कानून का पालन करते हुए प्रयोग करने पर बल दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने शिमला नगर निगम के पूर्व उप महापौर कांग्रेस नेता शशि शेखर चीनू की माता के निधन पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस सेवादल के 100 साल होने पर सेवादल के सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा है कि सेवादल कांग्रेस का एक ऐसा अग्रणी संगठन है, जो निस्वार्थ भाव से पार्टी की सेवा के लिए सदैव सबसे आगे रहता है। प्रतिभा सिंह ने सेवादल के कार्यो की सराहना करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी के किसी भी कार्यकम में सेवादल के कार्यकर्ता एक सिपाही की तरह सभी को अनुशासन का पालन करवाते है। गांधी जी की विचारधारा और कांग्रेस पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार करने में भी सेवादल का बहुत बड़ा योगदान रहता है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सभी युवा कार्यकर्ताओं को सेवादल के साथ जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा है कि संगठन की विचारधारा का मूल मंत्र इसी सेवादल की कक्षा से शुरू होता है और सभी को इनकी पाठशाला में अध्ययन करना चाहिए।
- शिमला के माल रोड पर केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन संसद से कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के सांसदों के निलंबन के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों व तानाशाही निर्णयों के खिलाफ सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्षों की अगुवाई में आयोजित इस धरना प्रदर्शन में पार्टी के अनेक नेता, पदाधिकारी अग्रणी संगठनों के पदधिकारोयों व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया। शिमला में आयोजित इस धरना प्रदर्शन में जिला शिमला शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी के नेतृत्व में माल रोड के नाज पर केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया। जितेंद्र चौधरी ने केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि अब इस सरकार के पाप का घड़ा भर गया है। उन्होंने कहा कि संसद से जिस प्रकार सांसदों को सदन से निलंबित किया गया है, वह लोकतंत्र की हत्या के समान है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सवालों से बचने के लिए सांसदों को सदन से बाहर किय्य गया। उन्होंने कहा कि किसी भी सांसद को सदन के अंदर सरकार से सवाल करने का पूरा अधिकार है पर भाजपा इस अधिकार का हनन कर रही है जो बहुत ही चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज देशभर में इस तानाशाही के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रही है जिससे देश के लोगों को भी भाजपा के असली चहरे को जान सकें। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने इस दौरान कहा कि देश मे इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ भाजपा की जनविरोधी नीतियों व तानाशाही के खिलाफ एकजुट है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन से लोग परेशान हो गए है और अब अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा की विदाई तय है। जैनब चंदेल ने संसद के दोनों सदनों से विपक्ष के सांसदों के निलंबन पर भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि देश अब इस अपमान का बदला लेने को आतुर है और आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा की सत्ता से विदाई तय है। उन्होंने कहा कि आज देश मे हर वर्ग दुखी व असहाय है। महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। युवा बेरोजगारी से दुखी है तो जनता बढ़ती मंहगाई से। इस प्रदर्शन में कांग्रेस उपाध्यक्ष विनीत गौतम हाउसिंग बोर्ड के उपाध्यक्ष कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा,यशपाल तनाईक, अनिता वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, कांग्रेस सचिव राजकुमारी सोनी, इंद्रजीत सिंह, गीतांजलि भागड़ा, भूपेंद्र कवंर,बलदेव ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, एस के सहगल, कुसुम्पटी ब्लॉक अध्यक्ष राम कृष्ण शांडिल,विनीता वर्मा, उमा वर्मा, प्रवक्ता जीएस तोमर, एसएस जोगटा, प्रो. मोहन झारटा, पुष्पा शोभटा, सतलाल, सेनराम नेगी,जीत राम पवंर, निशांत ठाकुर, वृंदा सिंह, रिकू वर्मा, विनी शर्मा, तनु चौहान, सत्या मदाइक के अतिरिक्त कांग्रेस पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी, नगर निगम शिमला के पार्षद अग्रणी संगठनों व विभागों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
-सत्र के चौथे दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ किया प्रदर्शन धर्मशाला के तपोवन में चल रहे विधानसभा शीतकालीन सत्र के चौथे दिन शुक्रवार को भाजपा विधायक दल ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्ष ने कांग्रेस सरकार को पांच लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा याद दिलाया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विपक्ष ने सरकार पर युवाओं को रोजगार नहीं देने का आरोप लगाकर तपोवन विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी विधायकों ने अपनी डिग्रियों के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से विधानसभा परिसर में बीजेपी विधायकों ने अपनी डिग्रियां फाड़ी और जलाईं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी नहीं दे रही है। आज प्रदेश के युवाओं का यही हाल है। वहीं, इसके जवाब में सत्तापक्ष के विधायकों ने भी विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये, सालाना दो करोड़ नौकरी का वादा पूरा करने की मांग की।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय यानी एचपीयू में एक जनवरी से 18 फरवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। विवि के सभी शैक्षणिक विभाग सर्दियों की इन छुट्टियों में बंद रहेंगे। इनमें शैक्षणिक कार्य नहीं होगा। इस दौरान आम छात्र छात्राओं के लिए भी छात्रावास बंद रखे जाएंगे। छुट्टियों में सिर्फ अग्रिम अनुमति के बाद ही शोध कार्य और पीजी की सेमेस्टर परीक्षार्थियों को छात्रावासों में ठहरने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों को 27 दिसंबर तक विभागाध्यक्षों और संस्थानों के निदेशक के माध्यम से सर्दियों में छात्रावास में रहने की अनुमति के लिए आवेदन करना होगा। इसमें विद्यार्थियों को छात्रावास में ठहरने का समय भी लिखना होगा। विवि के चीफ वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने कहा कि इसको लेकर सर्कुलर जारी कर दिया गया है, विद्यार्थियों को विभागों के माध्यम से सूचित कर दिया गया है। उन्होंने साफ किया कि कन्या छात्रावासों में छुट्टियों में किसी भी गेस्ट छात्रा को ठहरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सर्दियों के इन दिनों में छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को आवश्यक डाइट की शर्त को भी पूरा कर इसका पैसा चुकाना होगा। छात्रावासों में ठहरने वाले विद्यार्थियों और शोधार्थियों की संख्या को देखते हुए ही छात्रावासों के कंबाइंड मेस चलाने पर निर्णय लिया जाएगा।
जायका वानिकी परियोजना अब हाईटेक हो चुकी है। परियोजना के तहत होने वाली सभी गतिविधियों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पौधारोपण, जंगलों में आग लगने की घटना समेत प्रोजेक्ट के अंतर्गत हो रहे हरेक कार्यों को ड्रोन के माध्यम से कड़ी नजरें रखी जाएंगी। जायका वानिकी परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर जीआईएस रजनीश कुमार के नेतृत्व में वीरवार को रोहड़ू वन मंडल के सरस्वतीनगर वन परिक्षेत्र में ड्रोन से सर्वे किया गया। रजनीश कुमार ने कहा कि जायका वानिकी परियोजना के तहत किए गए कार्यों को ड्रोन में कैद किया जा रहा है। इसके साथ-साथ जंगलों में आग लगने की घटना का भी पता लगा सकते हैं कि आग लगने से वन संपत्तियों के नुकसान का रियल टाइम और आग पर काबू पाने के लिए मौके पर पहुंचने के लिए क्या कुछ इंतजमाम होने चाहिए। रजनीश कुमार ने कहा कि सभी ग्राम वन विकास सामितियों के दायरे में हुए कार्यों को ड्रोन के माध्यम से कैद किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जायका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया के दिशा-निर्देशानुसार आने वाले दिनों में राज्य के अन्य ऐसे क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक से प्रोजेक्ट के कार्यों की स्टीक प्लालिंग की जाएगी।
-मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने दी जानकारी -जल्द ही हिमाचल में एक्पोजर विजिट पर आएगी श्रीलंका की टीम जायका वानिकी परियोजना अब प्रदेश के सभी वन मंडलों में आउटलेट स्थापित करेगा। वर्तमान में राज्य के नौ स्थानों पर आउटलैट स्क्रीय रूप से संचालित हैं, जहां पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री हो रही है। इस बात की जानकारी जायका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी वन मंडलों में आउटलेट खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में जोगिंद्रनगर और पालमपुर के गोपालपुर में आउटलेट का शुभारंभ किया गया। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि जायका वानिकी परियोजना के तहत हिमाचल में हो रहे कार्यों को देख अब पड़ोसी देश श्रीलंका भी आजीविका कमाने के गुर सीखेगा। हाल ही में तीन दिवसीय हिमाचल दौरे पर आई श्रीलंका जायका और जायका इंडिया की प्रतिनिधियों ने हिमाचल प्रदेश में जाइका वानिकी के तहत हो रहे कार्यों की जमकर सराहना की। ऐसे में अब जायका वानिकी हिमाचल के प्रोजेक्ट मॉडल को श्रीलंका भी फॉलो करेगा। आने वाले समय में श्रीलंका जाइका की टीम हिमाचल में एक्पोजर विजिट पर भी आएगी। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि हाल ही में जायका श्रीलंका की प्रतिनिधि एवं जेंडर एक्पर्ट नाकाजीमा और जाइका इंडिया की प्रतिनिधि इनागाकी ने हिमाचल में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा आजीविका कमाने के हौसले की सराहना की।
-मुख्यमंत्री ने उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए पुलिस विभाग को दी बधाई हिमाचल प्रदेश पुलिस ने वर्ष 2023 के लिए अपराध और आपराधिक नेटवर्क ट्रैकिंग और सिस्टम (सीसीटीएनएस) प्रदर्शन में पहला स्थान हासिल किया है। गृह मंत्रालय ने नई दिल्ली में 21 दिसंबर से आयोजित दो दिवसीय गुड प्रेक्टिसीज सीसीटीएनएस/आईसीजेएस के वार्षिक सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश पुलिस को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए पुलिस विभाग को बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस पहाड़ी क्षेत्रों और पूर्वोत्तर राज्यों में सीसीटीएनएस प्रदर्शन में लगातार चौथे वर्ष पहले स्थान पर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश पुलिस ने सीसीटीएनएस प्रदर्शन में कई राज्यों से आगे बढ़कर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि सीसीटीएनएस परियोजना के कार्यान्वयन में शामिल वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में एससीआरबी के अन्तर्गत सभी क्षेत्र स्तरीय पुलिस अधिकारियों और राज्य स्तरीय सीसीटीएनएस टीम के समर्पित और सामूहिक प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं, पुलिस महानिदेशक, संजय कुंडू ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में उनकी निरंतर प्रेरणा और मदद के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के सीसीटीएनएस परियोजना कार्यान्वयन प्रदर्शन की निगरानी के लिए भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी), नई दिल्ली ने पूर्वनिर्धारित पैरामीटर के आधार पर राज्यवार सीसीटीएनएस प्रदर्शन रैंकिंग तय की है। उन्होंने कहा कि सीसीटीएनएस भारत में पुलिस कार्यप्रणाली की रीढ़ है और हिमाचल प्रदेश पुलिस इसमें वर्ष 2020, 2021 और 2022 के समान इस वर्ष भी शीर्ष स्थान पर रही है।
-राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को प्रेषित किया ज्ञापन -टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग संसद परिसर में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करने से नाराज भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आज शिमला में विरोध प्रदर्शन किया है। भाजपा ने जिलाधीश और राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा नेता सुरेश भारद्वाज ने कहा कि उप राष्ट्रपति देश का दूसरा सबसे बड़ा संवैधानिक पद होता है। उनका अपमान करना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि धनखड़ किसान परिवार और जाट समाज से आते हैं। यह देश के सभी किसानों का अपमान है। इसे बर्दास्त नहीं किया जायेगा। विपक्ष ने पहले भी जाति को लेकर प्रधानमंत्री का अपमान किया था।
शिमला के चौपाल के मड़ावग में एक जेसीबी हादसे का शिकार हो गई। हादसे में ऑपरेटर की जेसीबी के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज शर्मा (22) पुत्र जीत सिंह शर्मा निवासी गढ़ा, डाकघर एवं तहसील नेरवा के रूप में हुई है। पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने शव को जेसीबी के नीचे से निकालकर सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया, जहां पर पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। वहीं, एसडीएम चौपाल नारायण सिंह चौहान ने हादसे की पुष्टि की है। मृतक के परिजनों को 25000 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
-40 देशों में फैल चुका है नया वेरिएंट जेएन-1, भारत में 21 केस हिमाचल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि देश के कुछ राज्यों में कोरोना के नए वेरिएंट जेएन 1 के कुछ मामले ध्यान में आने से प्रदेश स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क है और केंद्र के दिशा-निर्देशों की अनुपालन की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग इस वेरिएंट को लेकर संवेदनशील है। गौर रहे कि कोरोना का नया वैरिएंट जेएन 1 दुनिया के 40 देशों में फैल चुका है। भारत में अब तक इसके 21 केस आ चुके हैं। गोवा में 19 और केरल-महाराष्ट्र में 1-1 मामला आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से इसको लेकर बुधवार को वर्चुअल बैठक की गई थी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, मनसुख एल मंडाविया ने की थी। इसमें सभी राज्यों को सतर्क रहने के दिशा-निर्देश दिए गए थे।
-राजस्व के लंबित मामले निपटाने को ली जाएंगी सेवानिवृत्त पटवारियों, कानूनगो व नायब तहसीलदारों की सेवाएं बुधवार देर शाम धर्मशाला के तपोवन स्थित परिसर में हुई हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में स्वास्थ्य विभाग में पैरा मेडिकल स्टाफ के 1,500 पद भरने का फैसला लिया गया है। ये भर्तियां ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट (ओटीए) सहित अन्य श्रेणियों के विभिन्न पदों पर होंगी। ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट की भर्ती राज्य चयन आयोग के माध्यम से पायलट आधार पर होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की। मीटिंग में निर्णय हुआ कि राजस्व विभाग में लंबित मामलों के निपटारे के लिए सरकार सेवानिवृत्त पटवारियों, कानूनगो और नायब तहसीलदार को सेवाओं पर रखेगी। इन्हें दिया जाने वाला मानदेय भी तय किया गया। पटवारी को 20,000 रुपये प्रतिमाह, कानूनगो को 25,000 और नायब तहसीलदार को 35,000 रुपये मानदेय मिलेगा। यह राजस्व विभाग में निशानदेही, इंतकाल आदि के लंबित मामले निपटाएंगे। इनकी नियुक्तियों से लोगों को राहत मिलेगी। राजीव गांधी स्वरोजगार योजना की ड्राफ्ट अधिसूचना मंजूर मंत्रिमंडल ने राजीव गांधी स्वरोजगार योजना की ड्राफ्ट अधिसूचना को भी मंजूरी दी। यह भी फैसला लिया गया कि अगले शैक्षणिक सत्र से पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू होगी। यह कांग्रेस की गारंटी में शामिल है। इसे पहले ही तय किया जा चुका है। यह भी निर्णय हुआ कि स्कूल अपने स्तर पर स्मार्ट वर्दी खरीद पाएंगे। ऊर्जा और राज्य चयन आयोग की भी दो प्रस्तुतियां दी गई। कुछ विधेयकों के ड्राफ्ट को भी मंजूरी मिली है। यह आगामी दिनों में शीत सत्र में ही पेश किए जाएंगे।
-सीपीएस मामले में अब 2 जनवरी को होगी सुनवाई भाजपा विधायकों ने उप मुख्यमंत्री की नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका को वापस ले लिया है। प्रदेश हाई कोर्ट में उप मुख्यमंत्री और मुख्य संसदीय सचिव की नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका पर आज सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान भाजपा विधायकों की ओर से डिप्टी सीएम को चुनौती देने वाली याचिका को वापस ले लिया गया, जबकि सीपीएस मामले में अब सुनवाई 2 जनवरी को होगी। न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर व न्यायाधीश संदीप शर्मा की खंडपीठ के समक्ष इस मामले पर सुनवाई हुई। याचिकाकर्ताओं की ओर से बहस पूरी होने के पश्चात इस मामले में राज्य सरकार की ओर से बहस हुई। बता दें कि बीजेपी नेता सतपाल सत्ती सहित 12 बीजेपी विधायकों ने डिप्टी सीएम समेत सीपीएस की नियुक्ति को चुनौती दी थी। याचिका में अर्की विधानसभा क्षेत्र से सीपीएस संजय अवस्थी, कुल्लू से सुंदर सिंह, दून से राम कुमार, रोहड़ू से मोहन लाल ब्राक्टा, पालमपुर से आशीष बुटेल और बैजनाथ से किशोरी लाल की नियुक्ति को चुनौती दी गई है। अब केवल सीपीएस की नियुक्ति मामले में ही सुनवाई होगी।
-मोहम्मद शमी सहित कुल 26 खिलाड़ियों को चुना अर्जुन पुरस्कार के लिए -बैडमिंटन स्टार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग को खेल रत्न हिमाचल के सिरमौर जिला के गिरीपार क्षेत्र की कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। रितु नेगी वर्तमान में भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान है। खेल मंत्रालय ने आज राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2023 की घोषणा की। मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अवॉर्ड सेरेमनी 9 जनवरी, 2024 को 11 बजे राष्ट्रपति भवन में होगी, जहां सभी खिलाड़ियों को अवॉर्ड दिया जाएगा। रितु नेगी के अलावा भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। कुल 26 खिलाड़ी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए हैं। रितु नेगी हिमाचल के जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के शरोग गांव की रहने वाली है। उनका विवाह हरियाणा में हुआ है। नेगी भारतीय कबड्डी टीम में डिफेंडर के तौर पर खेलती हैं। वह पिछले करीब एक दशक से भी अधिक समय से भारतीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा हैं। वर्तमान में रितु नेगी इंडियन रेलवे में सेवारत है। भारतीय बैडमिंटन स्टार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को खेल रत्न के लिए चुना गया है। मेजर ध्यानचंद खेल रत्न भारत का सर्वोच्च खेल सम्मान है जो भारत के यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री द्वारा हार साल दिया जाता है। वहीं तेज गेंदबाज मोहममद शमी को अर्जुन अवॉर्ड मिलेगा। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के नाम की सिफारिश वर्ल्ड कप 2023 में शानदार प्रदर्शन के आधार पर की गई है। उन्होंने 7 मैचों में सबसे ज्यादा 24 विकेट लिए थे। वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद जब पीएम मोदी टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे थे, तो उन्होंने भी शमी को गले लगाकर उनके प्रदर्शन की तारीफ की थी। पुरस्कार मिलने की खुशी में पिता ने गांव में बांटी मिठाई अर्जुन पुरस्कार के लिए रितु के चयन के बाद शिलाई क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिलाई में उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है। इस दौरान पिता भवान सिंह ने बेटी को खेल पुरस्कार मिलने खुशी में गांव में मिठाई भी बांटीं। भवान सिंह नेगी ने बताया कि उन्हें बेहद खुशी है कि सिरमौर की बेटी ने सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन कर देश मेंं पहचान बनाई है। रितु को बचपन से ही खेलने का शौक रहा और आज उन्हें अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना जाना बड़ी उपलब्धि है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र की एनडीए सरकार पर आरोप लगाया है कि वह सोची-समझी रणनीति के तहत सदन में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। लोकसभा व राज्यसभा से कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के सांसदों को सदन से निलंबित करने की भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस देशभर में केंद्र की भाजपा सरकार की तानाशाही नीतियों व निर्णय के खिलाफ धरने प्रदर्शन करेगी। प्रतिभा सिंह ने आज जारी एक बयान में कहा कि संसद के दोनों सदनों से विपक्षी दलों के नेताओं का निलंबन बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा संसद में विपक्ष के सवालों से बच रही है और यही वजह है कि एक सोची समझी रणनीति के तहत संसद से विपक्षी सांसदों को निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुने हुए सांसदों का निलंबन लोकतंत्र की हत्या के साथ साथ उनका अपमान भी है जो कभी सहन नही हो सकता। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में 22 दिसंबर को सभी जिलों में केंद्र सरकार के खिलाफ धरने प्रदर्शन करेगी जिसमें पार्टी के सभी नेता, पदाधिकारी अग्रणी संगठनों व सभी विभागों के प्रमुखों सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब देगी।
-'हिम महोत्सव' में 5 करोड़ से अधिक कारोबार होने का अनुमान -पहले 3 दिनों में ही लगभग 40 लाख रुपये की हुई बिक्री प्रदेश सरकार द्वारा दिल्ली हाट में 30 दिसंबर तक आयोजित किए जा रहे 'हिम महोत्सव' में हिमक्राफ्ट उत्पादों व हिमाचली व्यंजनों की भारी मांग है। इसके अंतर्गत हिमक्राफ्ट (हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम लिमिटेड), हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम तथा कला, भाषा एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों, बुनकरों, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और हिमाचली व्यंजनों की बिक्री के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध करवाया गया है। हिमक्राफ्ट के प्रबंध निदेशक जतिन लाल ने बताया कि दिल्ली में प्रदेश के हस्तशिल्प, हथकरघा, स्वयं सहायता समूह के उत्पादों और हिमाचली व्यंजनों को काफी सराहा जा रहा है। पहले 3 दिनों में ही लगभग 40 लाख रुपये की बिक्री का अनुमान है। दूसरे और तीसरे दिन दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लोगों सहित विदेशी मेहमानों ने भी यहां जमकर खरीदारी की। उन्होंने बताया कि क्रिसमस और नववर्ष को देखते हुए विभाग को 5 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है। हिम महोत्सव में कुल्लू और किन्नौरी शॉल, लाहौली मोजे और दस्ताने, चमड़े पर जरी और रेशम के धागे से महीन कारीगरी से तैयार चंबा चप्पल और धातु शिल्प का कमाल चंबा थाल, कांगड़ा पेंटिंग तथा कांगड़ा चाय और बांस व शिल्प उत्पाद, भेड़ ऊन, अंगोरा, पश्मीना, याक ऊन की हाथ से बुनी गई शॉल, सिरमौरी लोईया और स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए गए अचार और जैम सहित हिमाचली व्यंजनों में कांगड़ा, चंबा और मंडयाली धाम मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दिल्ली हाट में विभाग द्वारा हिमक्राफ्ट के 35, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रदेश के 20 स्वयं सहायता समूहों, हिमकोस्टे के 5 और हिमाचली व्यंजनों की बिक्री के लिए 5 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।
-तीन दिन से फंसे लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित निकाला -17 दिसंबर को लोसर से मनाली के लिए हुए थे रवाना लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने स्पीति के लोसर गांव से 40 किलोमीटर दूर काजा-मनाली मार्ग पर फंसे पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया है। पिछले तीन दिन से बर्फ में फिसलन होने के चलते बीच रास्ते में फंसे लोगों का प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू किया। दरअसल प्रशासन को सूचना मिली थी कि 17 दिसंबर को एक गाड़ी लोसर से मनाली के लिए निकली। स्थानीय लोगों ने गाड़ी सवारों को जाने से रोका भी, लेकिन वे नहीं माने। जब ये टूरिस्ट मनाली नहीं पहुंचे तो पर्यटकों के परिजनों ने प्रशासन को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद डीसी ने स्पीति के काजा और लाहौल के केलांग से रेस्क्यू टीमें भेजीं। 18 दिसंबर को स्पीति की तरफ से रेस्क्यू टीम कुंजम टॉप से तीन किलोमीटर ही पीछे तक ही जा पाई. बर्फ अधिक होने के कारण गाडियां फंस रही थीं। ऐसे में टीम को आधे रास्ते से लौटना पड़ा। फिर टीम लोसर विश्राम गृह में रुकी। मंगलवार सुबह 10 गाड़ियों के साथ रेस्क्यू टीम फिर से बातल के लिए निकली। करीब दोपहर ढाई बजे टीम बातल रेस्ट हाउस पहुंची, जहां पर पांचों पर्यटक रुके हुए थे। सड़क पर जमी बर्फ के चलते फंस गई गाड़ी ऐसे पहुंचे थे बातल में बंद पड़े रेस्ट हाउस बातल से करीब दस किलोमीटर दूर चढ़ाई में इन पर्यटकों को गाड़ी बर्फ के कारण फिसल कर लटक गई थी और ये पांचों फंस गए थे। जब इन लोगों की गाड़ी फंस गई तो तीन दोस्त पैदल छतडू तक मदद मांगने गए, लेकिन इन्हें कोई मदद नहीं मिली और थक हार कर वापिस आ गए. फिर इन्होंने फैसला किया कि बातल में बंद पड़े रेस्ट हाउस में ताला तोड़ कर रात के ठरहने का इंतजाम करते हैं और फिर पांचों रेस्ट हाउस पहुंचे।
-रिटेल विक्रेता केवल 5 मीट्रिक टन ही स्टॉक रख सकेगा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि गेहूं के थोक व्यापारियों के लिए भंडारण की सीमा पुन: निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा थोक व्यापारियों द्वारा एक समय में भंडारण किए जाने वाले गेहूं की सीमा घटा दी गई है। पहले थोक व्यापारी 2000 मीट्रिक टन का भंडारण कर सकता था, लेकिन अब यह स्टॉक सीमा 1000 मीट्रिक टन कर दी गई है। प्रत्येक रिटेल विक्रेता अब 5 मीट्रिक टन तक अपने स्टॉक में रख सकेगा, जबकि पहले यह सीमा 10 मीट्रिक टन थी। इसी तरह बिग चेन रिटेलर एक डिपो पर 10 मीट्रिक टन के स्थान पर 5 मीट्रिक टन गंदम का ही भंडारण कर सकेगा। प्रवक्ता ने बताया कि विभाग की ओर से सभी व्यापारियों को उनके पास रखे गए अतिरिक्त स्टॉक का 8 जनवरी, 2024 तक निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी व्यापारियों से यह भी आग्रह किया है कि वे संशोधित स्टॉक सीमा से ज्यादा गंदम अपने स्टॉक में न रखें। विभाग की ओर से सभी जिला नियंत्रकों और निरीक्षकों को भी गंदम के थोक व्यापारियों तथा रिटेलरों को नियमित रूप से चैक करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई व्यापारी अथवा रिटेलर निर्धारित स्टॉक सीमा से अधिक गेहूं का भंडारण करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के अंतर्गत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


















































