जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा कोविड-19 के दौरान डिजिटिल माध्यम से विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है ताकि इस महामारी के दौरान लोगों को उनके घर-द्वार पर ही कानूनी जानकारी पहुंचाई जा सके। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए डिजिटल माध्यम से जिला के विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया गया। इन जागरूकता शिविरों की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश भूपेश शर्मा तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव गुरमीत कौर ने की। इन शिविरों में उपस्थित लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने एवं इसके लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव गुरमीत कौर ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा शेल्टर होम कथेड़ में बच्चों से डिजिटल माध्यम से बातचीत की गई। उन्हें सरल भाषा में बच्चों के कानूनों के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में बच्चों को नशे जैसी दुष्प्रवृति से दूर रहने का परामर्श भी दिया गया। बच्चों को बताया गया कि नशा एक धीमा जहर है और नशे का विक्रय, क्रय एवं सेवन अपराध है। जिला के सभी विकास खंडों में खंड विकास अधिकारियों से डिजिटल माध्यम से वार्ता की गई ताकि खंड विकास अधिकारी पंचायत स्तर पर लोगों को विभिन्न कानूनों की जानकारी प्रदान कर सकें। उन्होंने बताया कि अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत ग्याणा में पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से डिजिटल माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकार बताए गए। कण्डाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत सतड़ोल में विधिक जागरूकता शिविरों में कानूनी जानकारी के साथ-साथ कोविड-19 से बचाव व सुरक्षा के बारे में अवगत करवाया गया। जिला की ग्राम पंचायत मशीवर, जाडली तथा अन्हेच में भी विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में लोगों को आवश्यक कानूनी अधिकारों की जानकारी के साथ-साथ कोविड-19 से बचाव की दिशा में भी अवगत करवाया गया। गुरमीत कौर ने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से आयोजित किए गए वेबिनार में लगभग 650 लोगों को महिला सुरक्षा व घरेलू हिंसा अधिनियम की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकण सोलन के यू-टयूब चैनल DLSA Solan में सोलन जिला में तैनात सभी न्यायिक दण्डाधिकारियों द्वारा विभिन्न कानूनों में बारे में लोगों को जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि किसी भी तरह की कानूनी जानकारी के लिए इस यू-टयूब चैनल को देखें व सारगर्भित जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01792-220713 पर किसी भी कार्य दिवस पर प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक सम्पर्क किया जा सकता है।
प्रदेश में नोबेल कोरोना वायरस कोविड-19 महामारी के संक्रमण के चलते एहतियात के तौर पर देव मंढोड़ समिति झुंडला की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया की पिछले कई वर्षों से प्रत्येक शरद नवरात्रि की अष्टम तिथि को जो मेला आयोजित किया जाता रहा है, इस वर्ष आयोजित नहीं किया जाएगा। इस वर्ष केवल देव पूजन ही किया जाएगा और इस देवपूजन कार्य मे सरकार के दिशा निर्देशों का पूर्णतः पालन किया जाएगा। इस मेले में प्रतिवर्ष होने वाली खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी नही रहेगा। समिति के सभी सदस्यों ने यह भी निर्णय लिया कि देव मन्दिर में जो भी श्रद्धालु देव दर्शन के लिए आएंगे वे मास्क व सेनेटाइजर का प्रयोग करके ही मन्दिर में प्रवेश कर पाएंगे। सभी को उचित शारीरिक दूरी के नियमों का पालन भी आवश्यक रूप से करना होगा। इस अवसर पर इस बैठक में समिति के प्रधान कृष्णकांत गौतम, चंद्रप्रकाश अंगिरस, राकेश कुमार शर्मा, ललित गर्ग तथा दीनानाथ उपस्थित रहे।
जिला पुलिस सोलन ने कोविड-19 से सम्बन्धित दिशा-निर्देशों के पालन एवं आमजन की सुरक्षा तथा जिला में दुर्घटनाओं एवं यातायात नियमों की अवहेलना के विषय में सूचना देने के लिए व्हट्स ऐप नम्बर जारी किए हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक यादव ने दी। अभिषेक यादव ने कहा कि कोविड-19 से सम्बन्धित दिशा-निर्देशों के उल्लंघन को रोकने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से पुलिस नियंत्रण कक्ष सोलन में एक व्हट्स ऐप नम्बर स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से सम्बन्धित नियम उल्लंघन की सूचना व्हट्स ऐप नम्बर 78769-17563 पर दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस व्हट्सऐप नम्बर पर शिकायत एवं कोविड-19 से सम्बन्धित सूचना दी जा सकती है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दुर्घटनाओं तथा गलत पार्किंग अथवा तेज एवं लापरवाह वाहन चालन तथा ट्रैफिक जाम सहित यातायात नियमों की अवहेलना के सम्बन्ध में व्हट्स ऐप नम्बर 78769-17569 पर जानकारी दी जा सकती है। इस व्हट्स ऐप नम्बर को जिला नियन्त्रण कक्ष सोलन में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष के इंचार्ज इन व्हट्स ऐप नम्बर पर प्राप्त सूचना एकत्रित करने एवं सम्बन्धित पुलिस थाना, पुलिस चैकी को सूचित करने के लिए उत्तरदायी होंगे।
आज अखिल भारतीय विद्यार्थी सोलन इकाई द्वारा उप मण्डल दण्डाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव के माध्यम से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। इकाई सचिव राघव ठाकुर ने कहा की विद्यार्थी परिषद छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेश भर में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा की सरकार इन मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है। प्रदेश भर के लगभग सभी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की कमी के कारण इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। इकाई सचिव राघव ठाकुर ने बताया कि पहले भी नौणी विवि के भ्रष्ट कुलपति को लेकर जांच और बर्खास्त करने की मांग रखी थी परंतु प्रदेश सरकार जो भृष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की बात कहती है। स्वास्थ्य घोटाले के आरोप लगते ही सरकार ने जांच बैठा दी लेकिन अगर शिक्षण संस्थानों में ऐसे आरोप लगे तो सरकार के कानों में जुं तक नहीं रेंगी। विश्विद्यालय में हो रही शिक्षकों की भरती को लेकर भी उन पर सवाल खड़े किये जा रहे हैं और मनमाने रवैये के आरोप उन पर लग रहे हैं लेकिन प्रदेश सरकार मुकदर्शक बन कर बैठी है। ऐसे प्रदेश स्तर में विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन करने जा रही है। 1. केंद्रीय विवि के स्थाई परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर पूरा किया जाये। 2. कलस्टर विवि, हि.प्र विवि, तकनीकी विवि में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की भर्ती शीघ्र की जाए। 3. नौणी विवि के भ्रष्ट कुलपति को बर्खास्त किया जाए। 4. निजी विश्वविद्यालयों में छात्रों का शोषण बंद किया जाए। 5. प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था चरमराई हुई है मेडिकल महाविद्यालयों के आधारभूत ढांचे को तुरंत सुधारा जाए। 6. छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं। 7. एससी/एसटी स्कॉलरशिप जल्द जारी की जाए। 8. जेबीटी कमिशन में जेबीटी छात्रों को प्राथमिकता दी जाए।
कोरोना पॉजिटिव विधायक के समपर्क में आने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया था। मुख्यमंत्री के तीन दिन क्वारंटाइन होने के कारण 9 अक्तूबर को प्रस्तावित कैबिनेट की मीटिंग टल गई है। मिली जानकारी के अनुसार 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। बता दें सीएम तीन दिनों के लिए स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं, ऐसे में अब कैबिनेट की बैठक ताल दी गई है। इस बार की कैबिनेट बैठक को अहम मन जा रहा था। इस बार इंटरस्टेट बसों के चलने और स्कूल खोलने जैसे मुद्दों पर फैसले होने वाले थे।
अर्की। हि.प्र. कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक अनुराग शर्मा के आदेशानुसार प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश संगठन सचिव सुरेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में अर्की ब्लाक कांग्रेस सेवादल ने उत्तर प्रदेश के हाथरस व बलरामपुर में हुए अत्याचारों के खिलाफ अर्की बाज़ार में कैंड़ल मार्च निकाला। सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि जिस तरह से उत्तर प्रदेश में आए दिए बलात्कार की घटनाएं हो रही है वह बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की नाकामियों को दर्शाती है व जिस तरह से आधी रात को हाथरस व भारत की बेटी का अंतिम संस्कार किया गया वह निंदनीय है। कांग्रेस सेवादल इसका पूरजोर विरोध करता है व उत्तर प्रदेश व केंद्र सरकार से मांग करता है कि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिले व दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। इस अवसर पर जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष संजय ठाकुर, ब्लाक कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष जय प्रकाश ठाकुर, राकेश ठाकुर प्रदेश महासचिव यंग ब्रिगेड सेवादल, बेगी राम, विजय राम, हीरा कौंडल, भीम ठाकुर, गौरव ठाकुर, नरेश ठाकुर, रोशन वर्मा, हेमंत जोशी, कपिल ठाकुर, नरेंद्र शर्मा, ओम प्रकाश, मदन लाल, रैंबो, हेमचंद शर्मा, आयुष शर्मा, पदम आचार्य, पंकज व अन्य सेवादल स्वयंसेवियों ने कैंडल मार्च में भाग लिया।
जिला आयुर्वेद विभाग सोलन द्वारा ‘आयुष द्वारा एनीमिया रोकथाम’ जागरूकता अभियान का द्वितीय चरण आज से आरम्भ हुआ। अभियान के तहत धर्मपुर विकास खंड की 37 ग्राम पंचायतों में जागरूकता शिविर आयोजित कर एनीमिया के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण के तहत 06 अक्तूबर से 16 अक्तूबर 2020 तक धर्मपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत जाडला, आंजी मातला, नालका तथा चामियां में एनीमिया तथा कोविड-19 के बारे में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि इन ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में 224 रोगियों की एनीमिया जांच की गई। ग्राम पंचायत जाडला में 72, ग्राम पंचायत चामियां में 62, ग्राम पंचायत आंजी मातला में 33 तथा ग्राम पंचायत नालका में 57 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर सामान्य से कम पाया गया उन्हें पूरी जांच तथा आवश्यक दवाओं के लिए परामर्श दिया गया। डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि इन शिविरों में लोगों को बताया गया कि शरीर में रक्त की कमी के कारण एनीमिया होता है। इस रोग में शरीर के रक्त कोशिकाओं का स्तर सामान्य से कम हो जाता है। महिलाओं में एनीमिया की शिकायत ज्यादा पाई जाती है। उन्होंने कहा कि शिविर में लोगों को एनीमिया के लक्षण बताए गए। थकावट, कमजोरी, सुस्ती, शिथिलता, घबराहट, सिरदर्द, चक्कर आना, धड़कन व सांस चढ़ना, भूख की कमी, नींद की कमी, छाती व पेट में दर्द, कानों में आवाज सुनाई देना, तेज सुनाई देना, चिड़चिड़ापन, एकाग्रता में कमी, जीभ या मुंह पकना अथवा छाले पड़ना, नाखूनों में सफेदी, पतलापन, सूखापन व रूखापन, त्वचा में सफेदी या पीलापन, आंखों के चारों ओर सूजन, पैरों में सूजन, पैरों का सुन्न होना, पिण्डलियों में दर्द व ऐंठन, मिट्टी, कोयला, लकड़ी आदि खाने का मन करना एनीमिया के लक्षण हैं। शिविरों में लोगों को संतुलित आहार लेने के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों को आयरन, कैल्शियम, विटामिन, कार्बोहाईड्रेट तथा फाइबर युक्त आहार लेने का परामर्श दिया गया। शिविरों में कोविड-19 से सुरक्षा के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि लोगों को सोशल डिस्टेन्सिग, मास्क पहनने तथा 20 सेकेंड तक साबुन से हाथ धोने या सेनिटाइजर के उपयोग करने के बारे में बताया गया। लोगों को बताया गया कि कोई भी संक्रमण या बीमारी तभी प्रभावित करती है जब हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय बताए गए। इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं। आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ. मंजेश शर्मा, डाॅ. प्रियंका सूद, डाॅ. कामिनी, डाॅ. रक्षा तथा आयुर्वेद विभाग के अन्य कर्मचारी एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
दाड़लाघाट। नौणी-बागा सड़क मार्ग की खस्ता हालत होने से लोगों व वाहन चालको को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क मार्ग पर रोजाना दर्जनों वाहन आवागमन करते है। यह सड़क मार्ग दाड़लाघाट व कंसवाला से लिंक होने के बाद भी अपनी दयनीय हालत पर रोना रो रहा है। इस सड़क मार्ग को लेकर कई बार क्षेत्र के लोगों व सामाजिक संस्थाओं ने विभाग से इसकी मुरम्मत करने का आग्रह किया है लेकिन इस पर अभी तक कोई भी सकारात्मक कार्य नहीं हो पाया है। सुधार सभा दाड़लाघाट के महा सचिव प्रेम केशव ने कहा कि उन्होंने कई बार नौणी-बागा सड़क मार्ग को लेकर विभाग को अवगत करवाया है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इस सड़क कार्य को करवाने को लेकर की केवल हामी ही भरी जाती है लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग ने माना था कि इस सड़क मार्ग पर टायरिंग व अन्य कार्य शुरू किया जायेगा लेकिन कुछ भाग में यह कार्य होने के बावजूद कार्य फिर से अधर में लटक गया है। प्रेम केशव व अन्य लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस सड़क मार्ग को जल्द से जल्द ठीक किया जाए व जगह जगह पड़े गड्डो से वाहनों चालको को निजात दिलाई जाए ताकि उन्हें भविष्य में किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। जब इस बारे सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग दाड़लाघाट बीआर कश्यप से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आजकल बजट की कमी चल रही है जैसे ही बजट आ जाएगा इस सड़क का मुररंमत कार्य कर दिया जाएगा।
दाड़लाघाट। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ की राज्य कार्यकारणी की बैठक सोलन जिला के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धुन्दन में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रांतध्यक्ष पवन कुमार ने की। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री महेंद्र कपूर बतौर मुख्यातिथि शामिल रहे जबकि राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पवन मिश्रा विशिष्ट अतिथि के के रूप में मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश के 10 जिलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों के साथ शिक्षकों से जुङी विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। महासंघ की तरफ से सोलन जिला के प्रधान नरेंद्र कपिला को सरकार द्वारा राज्य शिक्षक पुरस्कार दिए जाने के लिए सम्मानित किया गया।मुख्यातिथी राष्ट्रीय संगठन महामंत्री महेंद्र कपूर ने उपस्थित पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम शिक्षक पहले है जबकि संगठन में जिम्मेदारी दुसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि देश के 30 करोड़ विद्यार्थी हमारे हिस्से में है जिन्हें संवारना हमारा राष्ट्रीय दायित्व है। संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ उपयोगी नागरिक निर्माण करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगवीर चंदेल, उपाध्यक्ष जय शंकर, अतिरिक्त महामंत्री सुधीर गौतम, वीरेंद्र चड्ढा, अनिता वर्मा, रविदत्त शर्मा, तीर्थानंद शर्मा, जिला मंडी के प्रधान भगत चंदेल, शिमला से अशोक कुमार, सिरमौर से विजय कंवर, सोलन से नरेंद्र कपिला, हमीरपुर से नरेश शर्मा, कांगङा से जोगिद्र शर्मा, ऊना से सुशील मल्होत्रा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
दाड़लाघाट। शिमला मंडी नेशनल हाइवे पर ब्रमपुखर के पास एक बेसहारा बैल को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। कुछ स्थानीय लोग और गौ पुत्र बैल की मदद के लिए आगे आए लेकिन कुछ घण्टों बाद घायल बैल ने दम तोड़ दिया। गौ पुत्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि बैल के घायल होने की सूचना जैसे ही उन्हें मिली वो अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँच गए और पैरा वेट ने बैल का उपचार शुरू किया लेकिन बहुत कोशिशों के बावजूद वो घायल बैल की जान नही बचा सके। स्थानीय लोगों की मदद से बैल को दफना दिया गया। महेंद्र ठाकुर और स्थानीय लोगों ने सरकार के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि सरकार सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश के लिए जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नही उठा रही है। महेंद्र ठाकुर ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने एक गाड़ी पकड़ी जिसमें 12 बैल ठूंस ठूंस कर भरे हुए थे जिन्होंने उन्हें पुलिस की मदद से दूसरी गाड़ी में शिफ्ट करवाया। हालांकि इनको ले जा रहे लोगों के पास कागजात थे लेकिन 12 बेलों को एक गाड़ी में अमानवीय तरीके से समान की तरह ठूंस कर भरा हुआ था। उन्होंने स्थानीय किसानों से अपील की है कि वो जब भी किसी पशु व्यापारी या बाहरी व्यक्ति को पशुधन बेचते है तो उनके आधार कार्ड अवश्य ले ले ताकि अगर वो इन्हें रास्ते में छोड़ देते है तो उन्हें सबक सिखया जा सके।
मंगलवार को अटल टनल रोहतांग के पास बड़ा हादसा होते-होते टला है। बता दें मनाली-केलांग मार्ग पर, अटल टनल से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे, आलू की बोरियों से लदा ट्रक एक कार पर पलट गया। गनीमत रही उस समय कार में मौजूद व्यक्ति ने ट्रक की स्पीड को भांप लिया और कार से छलांग मार सुरक्षित दूरी पर चला गया, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के मुताबिक कार हरयाणा से हिमाचल घूमने आए पर्यटकों की थी व हादसे के समय हाईवे के किनारे पर पार्क थी। इस दौरान विपरीत दिशा से आता हुआ एक ट्रक अचानक कार पर पलट गया। ऑय विटनेसेस की मने तो हादसे से पहले गाड़ी की पिछली सीट पर एक व्यक्ति बैठा हुआ था जिसने ट्रक की स्पीड भांपते हुए सुरक्षित जगह के लिए छलांग लगा दी। हालाँकि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई पर व्यक्ति बाल-बाल बचा। रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
आज अखिल भारतीय विद्यार्थी जिला सोलन द्वारा पत्रकार वार्ता की गई। सोलन जिला संयोजक पवन शर्मा ने कहा की विद्यार्थी परिषद छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेश भर में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा की सरकार इन मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है। पवन शर्मा ने कहा की पिछले 11 सालों से राजनीतिक भेंट के कारण केंद्रीय विश्वविद्यालय का अभी तक स्थायी भवन नहीं बन पाया है। प्रदेश भर के लगभग सभी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की कमी के कारण इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। पवन शर्मा ने बताया कि पिछली प्रेसवार्ता में भी नौणी विवि के भ्रष्ट कुलपति को लेकर जांच और बर्खास्त करने की मांग रखी थी परंतु प्रदेश सरकार जो भृष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की बात कहती है। स्वास्थ्य घोटाले के आरोप लगते ही सरकार ने जांच बैठा दी लेकिन अगर शिक्षण संस्थानों में ऐसे आरोप लगे तो सरकार के कानों में जुं तक नहीं रेंगी। विश्विद्यालय में हो रही शिक्षकों की भरती को लेकर भी उन पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं और मनमाने रवैये के आरोप उन पर लग रहे है, लेकिन प्रदेश सरकार मुकदर्शक बन कर बैठी है। ऐसे प्रदेश स्तर में विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन करने जा रही है। 1. केंद्रीय विवि के स्थाई परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर पूरा किया जाये। 2. कलस्टर विवि, हि.प्र विवि, तकनीकी विवि में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की भर्ती शीघ्र की जाए। 3. नौणी विवि के भ्रष्ट कुलपति को बर्खास्त किया जाए। 4. निजी विश्वविद्यालयों में छात्रों का शोषण बंद किया जाए। 5. प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था चरमराई हुई है मेडिकल महाविद्यालयों के आधारभूत ढांचे को तुरंत सुधारा जाए। 6. छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं। 7. एससी/एसटी स्कॉलरशिप जल्द जारी की जाए। 8. जेबीटी कमिशन में जेबीटी छात्रों को प्राथमिकता दी जाए। इन सभी मुद्दों को लेकर विद्यार्थी परिषद आंदोलनरत रहेगी, जिसमें 7 अक्टूबर को डीसी व एसडीएम के माध्यम से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन; 9,10 अक्टूबर को शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को मास ईमेल की जाएगी एवं प्लेकार्ड अभियान चलाया जायेगा। वहीं 12, 13, 14 अक्टूबर को हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा एवं विधायकों व सांसदों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। 16 अक्टूबर को जिला केंद्र में प्रदर्शन किया जाएगा। उपरोक्त मागों को लेकर सकारात्मक कदम जल्द से जल्द प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन नहीं उठाता है तो आने वाले समय में इससे भी बड़ा आंदोलन खड़ा करने में विद्यार्थी परिषद पीछे नहीं हटेगी।
प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी के हिमाचल दौरे के बाद कुल्लू के बंजार से विधायक सुरेंदर शौरी के कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। बता दें कि 3 अक्टूबर को पीएम ने रोहतांग अटल टनल का शुभारम्भ किया था। उस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और वन मंत्री राकेश पठानिया पीएम के संपर्क में रहे। अब वहीं बीते कल कुल्लू के बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिस के बाद से ही सीएम ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। बताया जा रहा है कि सीएम पॉजिटिव आए विधायक के प्राइमरी कांटेक्ट में थे। स्वास्थ्य विभाग को शौरी के कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट टनल उद्घाटन कार्यक्रम से एक दिन पहले 2 अक्तूबर को ही मिल गई थी। हिमाचल सरकार की इस बड़ी चूक से पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के लिए भी कोरोना का खतरा पैदा हो गया है। इस खबर ने हिमाचल में हड़कंप मचा दिया है। स्वास्थ्य विभाग कि इस चूक से सीएम कार्यालय से लेकर पीएम कार्यालय तक कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। मुख्यमंत्री कि माने तो शौरी के पॉजिटिव होने की जानकारी उन्हें 3 अक्तूबर को मिली थी। उन्होंने बताया कि अभी तक प्रधानमंत्री कार्यालय को इसकी जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, अटल टनल कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी से नजदीक से बात करने वाले वन मंत्री राकेश पठानिया भी संक्रमित विधायक के संपर्क में आए थे। वह भी आइसोलेट हो गए हैं। पठानिया ने कहा कि शौरी के पॉजिटिव आने की जानकारी मुख्यमंत्री के क्वारंटीन होने के बाद मिली है। उन्होंने बताया कि शौरी से दूर से ही उनकी मुलाकात हुई थी और दोनों ने ही मास्क लगाए थे। फिर भी कोविड प्रोटोकॉल के तहत खुद को क्वारंटीन कर लिया है। मुख्यमंत्री, मंत्री के क्वारंटीन होने के बाद सीएम से ही प्रदेश के कई दिग्गज नेता, राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा समेत अन्य क्वारंटीन हो गए हैं। वही शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा है कि उन्होंने विधायक से मुलाकात नहीं की थी। इस वजह से वह अभी तक क्वारंटीन नहीं हुए हैं।
परिवहन विभाग की ओर से इंटरस्टेट बसों में व्यवस्था को लेकर एसओपी तैयार कर दी गई है। जारी निर्देशों के मुताबिक अब हिमाचल सरकार द्वारा बहरी राज्यों के लिए जाने वाली बसों में बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों के लिए सीटें आरक्षित की जाएंगी। सीट नंबर 2 से 6 तक सीटें इनके लिए रिज़र्व रहेंगी, वहीं 1 नंबर सीट कंडक्टर के लिए रहेगी। कंडक्टर सवारियों को बस में चढ़ने से पहले टिकट देगा। साथ ही बिना मास्क बसों में किसी को सफर नहीं करने दिया जाएगा। परिवहन विभाग ने एसओपी तैयार कर सरकार को भेज दी है। अब इस मामले को कैबिनेट बैठक में लाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक इंटर स्टेट बसें 60 प्रतिशत सीटों के साथ शुरू होंगी। डीलक्स बसों में 50 प्रतिशत सीटों पर यात्री सफर कर सकेंगे। यानी अब 100 सीटर बसों में 50 यात्री सफर कर सकेंगे।
समाजसेवक व जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सोलन अनिल गुप्ता ने राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन के वाणिज्य प्रवक्ता नरेंद्र कपिला का अम्बुजा चौक दाड़लाघाट में स्वगात व अभिनंदन किया। इस दौरान समाजसेवक व जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सोलन अनिल गुप्ता ने प्रवक्ता नरेंद्र कपिला को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। इस मौके पर प्रवक्ता धर्मपाल शुक्ला भी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य सरकार ने सोमवार को पीटरहॉफ में राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कारों की विभिन्न श्रेणियों में हिमाचल के शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किये। बता दें 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के मौके पर राजधानी शिमला स्थित राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित होना था। यह समारोह भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के निधन पर घोषित किये गए राष्ट्रीय शोक के कारण स्थगित किया गया था, जिसके चलते यह कार्यक्रम कार्यक्रम यूनेस्को के विश्व शिक्षक दिवस के मौके पर 5 अक्तूबर को शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित किया गया जिसमें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला सोलन के उपमंडल दाड़लाघाट से सम्बंध रखने वाले शिक्षक नरेंद्र कपिला को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा गया। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन के वाणिज्य प्रवक्ता नरेंद्र कपिला को राज्यपाल के कर कमलों द्वारा इस सम्मान से सम्मानित करने पर पूरे क्षेत्र के लिए अति गौरवपूर्ण अवसर है। नरेंद्र कपिला प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर, जो शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हैं, नरेंद्र कपिला उनके साथ धुंदन स्कूल में कार्य कर रहे हैं। नरेंद्र कपिला के पिता स्वर्गीय जीत राम कपिला भी इसी विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए थे। नरेंद्र कपिला की शिक्षा दीक्षा भी इसी विद्यालय से पूर्ण हुई। उनके अनुसार यह बहुत ही सौभाग्य की बात है कि उन्हें इसी विद्यालय में सेवा करने का मौका मिला है। नरेंद्र कपिला कहते हैं कि उन्हें प्रधानाचार्य के नेतृत्व में कार्य करने में बहुत आनंदानुभूति हो रही है। उन्होंने प्रधानाचार्य की कार्य कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर उन्होंने विद्यालय को बुलंदियों तक पहुंचाने हेतु प्रयास किए हैं। उनके मार्गदर्शन में मेधावी विद्यार्थियों ने बोर्ड की मेरिट लिस्ट में भी अपना नाम दर्ज करवाया है। उन्ही के मार्गदर्शन में कोविड-19 के चलते उन्होंने गांव गांव जाकर बच्चों को पढ़ाया।वे अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता पिता, धर्मपत्नी, बच्चों, परिवार के सदस्यों के शुभ आशीर्वाद को तथा प्रधानाचार्य तथा सभी सम्माननीय अध्यापक साथियों को देते हैं। विशेषकर अर्थशास्त्र के प्रवक्ता प्रकाश बट्टू के सहयोग को वह अपनी इस सफलता को समर्पित करते हैं। नरेंद्र कपिला ने सम्मान के लिए राज्यपाल, सीएम, शिक्षा मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा प्रणाली में बेहतर तरीके से कार्य करना में योगदान व निरन्तर छात्र छात्राओं समेत विद्यालय विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
सोलन। नगर परिषद सोलन के तहत वार्ड-14 में अस्सी के दशक में बनी हाऊसिंग कॉलोनी फेज-1 के ब्रीदिंग जोन में हिमुडा की तरफ से प्रस्तावित नई आवासीय कॉलोनी योजना के विरोध स्थानीय लोग फिर से मुखर हो गए हैं। आरोप है कि विरोध के बावजूद हिमुडा कॉलोनी के ब्रीडिंग जोन में आवासीय कॉलोनी बनाने को लेकर आमादा है। स्थानीय वेलफेयर सोसायटी ने इस संदर्भ में डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री और शहरी आवास मंत्री को ज्ञापन भेजा है। इससे पहले सोसाइटी पिछले वर्ष नेशनल ग्रीन ट्रीब्यूनल काे भी पत्र भेज चुकी है। सोसाइटी की कार्यकारी प्रधान मोहन चौहान और महासचिव राजीव कौड़ा ने कहा कि हाऊसिंग कॉलोनी में 300 परिवाराें के लिए ब्रीदिंग जोन का काम कर रहे ग्रीन एरिया के हरे भरे पेड़-पौधों काे काटकर हिमुडा 50 से 70 फ्लैट्स बनाने की योजना बना रही है। स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद सरकार ने हिमुडा प्लान को अप्रूव किया है। इस संदर्भ में रेजीडेंट वेलफेयर सोसायटी और स्थानीय लोग पिछले पांच साल से सरकार व विभाग से संवाद कर रहे हैं लेकिन हिमुडा आवासीय ब्लॉक बनाने को आमादा है। यही कारण है कि फ्लैट्स बनाने की योजना के खिलाफ लोग लामबंद हुए हैं। तर्क दिया जा रहा है कि शहरीकरण से सोलन शहर कंकरीट का जंगल बनता जा रहा है, जिससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है। हाऊसिंग कॉलोनी में लोगों ने हिमुडा से इस लिए मकान व प्लॉट खरीदे थे कि यहां पर आवासीय नियम के मुताबिक ग्रीन एरिया छोड़ा गया हैं। अब हिमुडा खुद ही ग्रीन एरिया में आवासीय फ्लैट्स बनाने की जिद्द कर रहा है। कॉलोनी बनने से हरे पड़ों की बलि तो चढ़ने के साथ नालों में बह रही गंदगी से पर्यावरण प्रदूषित होगा। जानकारी के मुताबिक कॉलोनी के अंतिम छोर में नाले के ऊपर खाली पड़ी जमीन पर हिमुडा फ्लैट्स बनाएगा। लोगों का कहना है कि इस जमीन में लगे पेड़-पौधे वर्षो से स्थानीय लोगों के लिए ब्रीदिंग जोन का काम कर रहे हैं। पार्किंग, पानी व सीवरेज समस्या बढ़ेगी: कॉलोनी में पार्किंग की समस्या के चलते लोगों को सड़क किनारे ही वाहन पार्क करने पड़ रहे हैं। इससे कॉलोनी में अभी से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। रात के समय तो कॉलोनी से एंबूलेंस निकाला भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यदि हिमुडा यहां पर अतिरिक्त फ्लैट्स बनाता भी है तो ट्रैफिक की समस्या बढ़ जाएगी। साथ ही बड़े वाहनों को कॉलोनी की सड़क से गुजाराना आसान नहीं होगा। कॉलोनी में नगर परिषद तीन से चार दिन बाद पानी की सप्लाई करती है। इससे लोगाें को खासी दिक्कतें पेश आ रही है। कॉलोनी में अतिरिक्त आवासीय फ्लैट्स बनने से पानी की समस्या बढ़ जाएगी। इसी तरह कॉलोनी में सीवरेज व्यवस्था भी चरमरा रही है। आबादी बढ़ने से सीवर लाइनें बंद हो जाती है। नालों की तरफ बने सेफ्टिंक टैंक खुले में बह रहे हैं, जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है। नई आवासीय कॉलोनी बनने से सीवरेज समस्या से निपटना मुश्किल हो जाएगा। 45 फीसदी एरिया में ही हो सकता है निर्माण: प्लान तहत आवासीय कॉलोनियों के लिए अधिग्रहण की गई जमीन के 45 फीसदी हिस्से में ही निर्माण किया जा सकता है जबकि 55 फीसदी हिस्सा सड़क, पार्क, पार्किंग, सीवरेज, पाथ और ग्रीन पैच के लिए छोड़ा जाता है। इस लिहाज से 1980 के दशक में बनी हाऊसिंग कॉलोनी कॉलोनी में पहले से ही 45 फीसदी एरिया में भवनों को निर्माण हो चुका है। कॉलोनी में अब नालों के आसपास की जमीन ही खाली पड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब हिमुडा ने हाऊसिंग कॉलोनी के फ्लैट्स बेचे थे तो उसमें जमीन की लागत भी समायोजित की थी। ऐसे में हिमुडा को कॉलाेनी में नालों के आसपास खाली पड़ी जमीन में फ्लैट्स बनाने का अधिकार नहीं है।
कुनिहार। शिक्षक(पीईटी) संघ सोलन की विशेष बैठक का आयोजन शिव तांडव गुफा कुनिहार के प्रांगण में किया गया जिसमें सोलन जिला से संबंध रखने वाले प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक इस विशेष बैठक में सम्मिलित हुए। इस बैठक में सर्वप्रथम प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक (पीईटी) संघ सोलन की कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया जिसमें यतेंद्र पाल को संघ का प्रधान, धर्मपाल को उप प्रधान, राजेंद्र कुमार को संघ का सचिव एवं सतवीर सिंह को सह सचिव , देवेंद्र कुमार को कोषाध्यक्ष, धनपाल को सह कोषाध्यक्ष एवं इंदर सिंह को कार्यकारी सदस्य के रूप में चुना गया। इसके अलावा कार्यकारिणी में नरेश कुमार, हीरा दत्त शर्मा, रोशन लाल राकेश कुमार, संतराज, पदम सिंह, रूपलाल, दलजीत सिंह सुरेंद्र सिंह, सुधीर कुमार, पंकज अरुण शर्मा, किरपाराम एवं राजकुमार को भी इस संघ की कार्यकारिणी के सदस्य के रुप में सम्मिलित किया गया। इस विशेष बैठक के आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए संघ के नवनियुक्त प्रधान यतेंद्र पाल ने बताया की इस बैठक में इसके अलावा संघ की भावी रणनीति पर सदस्यों के साथ गहन विचार विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि संघ के सदस्यों ने पहले भी विधायक दून निर्वाचन क्षेत्र परमजीत सिंह पम्मी के माध्यम से भी सरकार को अपने संघ की मांगों का ज्ञापन पत्र सौपा था। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं आयुर्वेदिक मंत्री डॉ राजीव सहजल को भी अपनी मांगों का ज्ञापन पत्र पिछले महीने सौंपा था। परंतु उसके बाद हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की कई बैठकें हो चुकी है, परंतु अभी तक भी मंत्रिमंडल में हिमाचल प्रदेश में सरकारी स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों( पीईटी) के हजारों रिक्त पदों के बारे में कोई भी सकारात्मक उचित कार्यवाही नहीं की गई है। इस प्रकार प्रदेश सरकार के उपेक्षा पूर्ण रवैया से हिमाचल प्रदेश के समस्त शारीरिक शिक्षक अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैंl हिमाचल प्रदेश में शारीरिक शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षकों की निरंतर अवहेलना से संघ के सभी सदस्य अपने को बहुत आहत महसूस कर रहे हैं। सोलन संघ वर्तमान हिमाचल प्रदेश सरकार से रिक्त चल रहे हजारों शारीरिक शिक्षकों (पीईटी) के पदों को शीघ्र अति शीघ्र भरने का पुरजोर आह्वान करता हैं। साथ ही संघ ने यह भी चेताया है कि यदि भविष्य में वर्तमान सरकार ने इस विषय पर कोई भी सकारात्मक या ठोस कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश स्तर पर मजबूर होकर के संघ को उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।
सोलन। कुमारी ममता ठाकुर ने जिला भाषाधिकारी सोलन के रुप मे कार्य भार ग्रहण किया। इससे पूर्व शिमला भाषा सँस्कृति विभाग के निदेशालय में सहायक अनुसंधान अधिकारी के रुप मे कार्यरत थी। कुमारी ममता ठाकुर ने बताया कि सोलन की लोक कलाओं, लोक सँस्कृति तथा लोकभाषा के उत्थान के लिए कार्यरत रहूँगी। परम्परिक लोक वाद्य यँत्रो का सँरक्षण मेरी प्राथमिकता रहेगी।
कुनिहार। एच पी एस बी एल पेंसनर्ज वेलफेयर एसोसिएशन सब यूनिट कुनिहार की मासिक बैठक यूनिट अध्यक्ष ई रतन तनवर की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें काफी संख्या में सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। यूनिट के महासचिव आर एन कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक के दौरान 34 सदस्यों के जीवन प्रमाण पत्र के फार्म भरे गए जोकि राजपत्रित अधिकारी से हस्ताक्षर करवा कर सभा द्वारा बोर्ड मुख्यालय शिमला भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि ई रूपेंद्र कौशल को यूनिट के नए कोषाध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया। अध्यक्ष ई रतन तनवर ने बताया कि बैठक में प्रस्ताव पास कर सरकार से आग्रह किया गया कि आयु अनुसार 5,10 व 15 प्रतिशत पेंशन भत्ते को बेसिक पेंशन में मिलाकर पेंशनरों की चिरलम्बित मांग को मानकर पेंशनरों को राहत प्रदान की जाए।
कुनिहार। पुलिस पेंसनर्ज वेलफेयर एसोसिएशन कुनिहार की बैठक कल रविवार 4 अक्तूबर को शीत होटल कुनिहार में आयोजित की जाएगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष धनीराम तनवर ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना महामारी की वजह से कार्यकारणी की बैठक कुछ महीनों से नही हो पाई थी। प्रसासन के दिशा निर्देशों का ध्यान रखते हुए रविवार को सुबह 11 बजे कुनिहार के शीत होटल में कार्यकारणी की बैठक का आयोजन रखा गया है जिसमे सभी पेंसनर्ज से आग्रह किया गया है कि समय पर पहुंच कर बैठक में भाग लेकर अपने अपने विचार साझा करें। उन्होंने बताया कि बैठक में पेंसनर्ज को आ रही समस्याओं पर चर्चा कर हल करने की रणनीति बनाई जाएगी।
उपमंडल पांवटा सब डिवीजन के अंतर्गत पुरुवाला थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे चोरी के 7 मोबाइल बरामद किए गए है। इनके खिलाफ पुरुवाला थाना में चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी। जानकारी अनुसार बलदेब वर्मा गांव नीमका तहसिल निमका, जिला सीकर राजस्थान ने थाना पुरुवाला में शिकायत दर्ज करवाई है कि 28-29 सितंबर की रात्रि को इनके भटठे पर काम करने वाले अफजल व सोनी कुमार का फोन तथा श्यामा के कुछ पैसे भटठे पर बने कमरा से चोरी हुए है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी भटठे से फोन व पैसे चोरी हुए है, व इन्हे शक है कि यह चोरी अजय कुमार व अनिल कुमार जो की पुरुवाला के रहने वाले है, ने की है क्योंकि उक्त रात्रि को यह लोग भटठे के आसपास घुम रहे थे। जब भटठे पर काम करने वाले सो गए तो कमरा से फोन व नगदी चोरी हुए है। शिकायत के बाद पुरुवाला पुलिस ने बिना समय गवाएं तुरंत कार्रवाई करते हुए अजय कुमार व अनिल कुमार निवासी पुरुवाला अमरगढ़ को हिरासत में लिया व उनसे चोरी के 7 मोबाइल भी मिले हैं। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है, की ये मोबाइल कहा कहा से चोरी किए हैं। डीएसपी पांवटा वीर बहादुर सिंह ने बताया कि दो आरोपीयों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे 7 मोबाइल बरामद हुए हैं। उनके खिलाफ धारा 457, 380, 34 IPC में मामला दर्ज किया गया है जिसमें आगामी तफ्तीश जारी है।
अम्बुजा सीमेंट कंपनी में कार्यरत दाड़लाघाट के ट्रांसपोर्टर जगदीश शर्मा, नीलम भारद्धाज, नंद लाल भारद्वाज, बंटु शुक्ला, हरि सिंह ठाकुर, ललित शर्मा, मुकेश शुक्ला, रामलाल, नरेश ठाकुर व राम लाल ने कहा है कि कंपनी द्वारा यदि ढलियारा डंप को बंद नहीं किया गया तो ट्रांसपोर्टर आंदोलन करने से पीछे नहीं रहेंगे। ऑपरेटरों को वर्ष 2014 से आज तक हाईक नहीं दी गई है जोकि आज करोड़ों रुपए की हो चुकी है। ऑपरेटरों ने कहा कि इसके अलावा ट्रांसपोर्टर्ज की अन्य माल ढुलाई की समस्याओं के बारे में भी कंपनी के अधिकारी अनजान बने हुए हैं। यदि कंपनी के अधिकारी एक सप्ताह के भीतर ट्रांसपोर्टर यूनियन दाड़लाघाट के सदस्यों के साथ बातचीत करने नहीं बैठते हैं तो उसके बाद सभी ट्रांसपोर्टर भाइयों की बैठक बुलाई जाएगी तथा यह बैठक एसडीटीओ के प्रधान रत्न मिश्रा की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक में आर पार का निर्णय होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 3 अक्तूूबर, 2020 को अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण समारोह को मुख्यमन्त्री के निर्देशानुसार लोगों तक ‘लाईव’ पंहुचाने के लिए सभी प्रबन्ध पूरे कर लिए गए हैं। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सोलन के.सी. चमन ने दी। के.सी. चमन ने कहा कि कार्यक्रम के लाईव प्रसारण के लिए जिला मुख्यालय सोलन में नगर परिषद सोलन के हाॅल, अर्की विधानसभा क्षेत्र में उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की के प्रांगण, कसौली विधानसभा क्षेत्र में खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय धर्मपुर के हाॅल, दून विधानसभा क्षेत्र में नगर परिषद बद्दी के हाॅल तथा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ट्रक यूनियन नालागढ़ के हाॅल में एल.ई.डी स्क्रीन स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के निर्बाध प्रसारण के लिए डिश स्थापित की गई हैं। उपायुक्त ने कहा कि समारोह के लिए प्रत्येक स्थान पर सामाजिक दूरी का पालन और फेस मास्क का उपयोग करते हुए अधिकतम 200 लोग ही उपस्थित होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सोशल मीडिया के माध्यम से भी लाईव देखा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर एवं मुख्यमन्त्री कार्यालय के आधिकरिक फेसबुक पेज पर देखा जा सकेगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम को ‘लाईव’ देखकर इस एतिहासिक क्षण के भागीदार बनें।
दाड़लाघाट। क्षेत्र में चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है। संक्रमित व्यक्तियों में 3 अम्बुजा सीमेंट कम्पनी और चौथा पीपलूघाट चौक मार्किट का एक कारोबारी बताया जा रहा है। कारोबारी की ट्रेवल हिस्ट्री चंडीगढ़ की बताई जा रही है, जबकि 3 मजदूर के यात्रा इतिहास की जनकारी अभी उपलब्ध नही हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग चारों व्यक्तियों के सम्पर्क में लोगों की लिस्ट तैयार करने में जुट गया है। इनके सम्पर्क में आये लोगों के सैम्पल विभाग जांच के लिए भेजेगा। पीपलूघाट में व्यापार मंडल ने एहतियात के तौर पर 3 और 4 अक्टूबर को मार्किट बंद रखने का फैसला लिया है। व्यापार मंडल अध्य्क्ष मोहन लाल चंदेल और उपाध्यक्ष उमेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पीपलूघाट मार्किट में एक कारोबारी की रिपोर्ट वीरवार शाम को पॉज़िटिव आई है जिसके मध्यनजर उन्होंने दो दिनों तक सभी दुकाने बंद रखने का फैसला लिया है। उन्होंने सभी दुकानदारों से सावधानी बरतने की अपील की है।
उपायुक्त सोलन के.सी. चमन ने आज क्षेत्रीय कुष्ठ रोग अस्पताल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 151वीं जयन्ती पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य को स्वच्छता संकल्प की शपथ दिलाई। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को कृतज्ञ जिलावासियों की और से श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपायुक्त ने पूर्व प्रधानमन्त्री लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धााजंलि अर्पित की। के.सी. चमन ने इस अवसर पर कुष्ठ रोगियों को फल वितरित किए और उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर जिला के विभिन्न उपमण्डलों और विद्यालयों में भी राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। जिला के विभिन्न प्रारम्भिक एवं उच्च विद्यालयों में इस अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, तहसीलदार सोलन गुरमीत नेगी, नगर परिषद सोलन के कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के अंतर्गत महिला मंडल कोटला नुम्हाला की महिलाओं ने देवठी और स्यार गांव की सफाई की। आशा वर्कर अनिता गौतम ने बताया कि इस दौरान समस्त महिलाओं ने रास्तों के किनारे उगे अवांछित घास व भांग को उखाड़ा। बंद पड़ी नालियों और गलियों की सफाई की। उन्होंने सड़क के किनारे पॉलिथीन टायर ट्यूब तथा अन्य कचरा एकत्रित कर उसे जलाया। महिलाओं ने दुकानदारों से दुकानों के आगे कचरा न फेंकने का आग्रह किया और कहा कि दाड़ला को हरित और स्वच्छ बनाने में हर नागरिक का योगदान अपेक्षित है। महिलाओं ने नशे जैसे बुराइयों को खत्म करने की शपथ भी ली। इस मौके पर कलावती शुक्ला, लज्जा गौतम, पंचायत सदस्य चंपा गौतम, वंदना शर्मा, संध्या गौतम, लज्जा शुक्ला, अनुकरणा, मनोरमा, सरिता गौतम, जयंवती शुक्ला, तरुणा शुक्ला, भावना गौतम सहित अन्य महिलाओं ने इस सफाई अभियान में बढ़ चढ़ भाग लिया।
ग्राम पंचायत दावटी में भगत सिंह विकास युवा क्लब के सदस्यों ने महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी को फूल अर्पित करके श्रद्धांजलि दी। इसी के साथ उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए बलात्कार केस के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। इस दौरान भाजपा युवा नेता धर्मपाल धर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर ग्राम पंचायत दावटी को स्वच्छ बनाने के लिए एक कदम बढ़ाया और पंचायत प्रांगण में सफाई की तथा मंदिर के प्रांगण की सफाई की। भगत सिंह युवा क्लब के बैनर तले भगत सिंह युवा क्लब के सदस्यों ने सरकार से मांग की की यूपी में हुए बलात्कार की जांच की जाए तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही भगत सिंह युवा क्लब के प्रधान ओम प्रकाश शर्मा तथा सचिव अजय शर्मा तथा क्लब के सदस्यों ने ग्राम पंचायत दावटी में एक नया सवेरा लाने की बात कही। इस अवसर पर ग्राम पंचायत दावटी के उपप्रधान विजय शर्मा तथा ग्राम पंचायत दावटी के वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।
दाड़लाघाट। सत्य अहिंसा और शांति के प्रतीक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पंचायत कांग्रेस दाड़ला द्वारा बापू व लाल बहादुर शास्त्री के चरणों में फूल अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री के द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान उत्तरप्रदेश के हाथरस में 14 सितंबर को दलित युवती के साथ हुए सामूहिक बलात्कार और उसकी जीभ काटने तथा रीढ़ की हड्डी तोड़ने के जघन्य अपराध की पंचायत दाड़लाघाट के कांग्रसियों ने कड़ी निंदा की। इस अवसर पर पंचायत दाडला के कांग्रेसियों में बीडीसी के पूर्व उपाध्यक्ष व बीडीसी सदस्य दाड़लाघाट जगदीश ठाकुर, पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान सुरेंद्र शुक्ला, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस सोलन अनिल गुप्ता, हेमन्त वर्मा, सुरेन्द्र वर्मा, पवन शर्मा, दीपक गजपति, सोहन लाल ठाकुर, पवन ठाकुर, हेमचन्द कंवर, रोशन ठाकुर, धीरज, पवन, प्रेम केशव, रिंकू, रिशु सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अटल टनल रोहतांग के बाद अब प्रधानमंत्री मोदी ने लाहौलियों को एक और बड़ी सौगात दी है। बता दें अटल टनल रोहतांग के उत्तरी पोर्टल में पीर पंजाल की पहाड़ी में जल्द ही बुद्ध की एक विशाल प्रतिमा बनाई जाएगी। यह प्रतिमा लगभग 328 फीट यानि 100 मीटर ऊंची होगी। यह प्रतिमा अफगानिस्तान के बामियान की तर्ज बनाई जाएगी। इस निर्माण में लगभग 500 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस प्रोजेक्ट को खुद प्रधानमंत्री ने सहमति दी है। हिमाचल सरकार के इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। प्रतिमा का निर्माण केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की देखरेख में गुजरात की एक निजी फर्म को सौंपा जाएगा। सिस्सू गांव के पार विख्यात वॉटर फाल के पास पीरपंजाल की पहाड़ी को कुरेद कर बुद्ध प्रतिमा बनाई जाएगी। इस निर्माण से जनजातीय क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आय के नए द्वार खुलेंगे।
केंद्र सरकार द्वारा गत दिनों किसानों के हितों को देखते हुए कृषि विधेयक बिल पारित किया है। परन्तु कृषि कानूनों पर देश सहित प्रदेश में भी किसान इस बिल का विरोध कर रहे है। विपक्ष द्वारा किसानों को गुमराह किया जा रहा है। यह बात जिला सोलन किसान मोर्चा के अध्यक्ष रमेश ठाकुर व प्रभारी दलीप पाल ने कुनिहार में प्रेस वार्ता के दौरान कही। इन्होंने कृषि विधेयक बिल का जोरदार स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के इस सराहनीय कदम से देश के करोड़ो किसान लाभान्वित होंगे। कृषि विधेयक से किसानों को बिचौलियों व आढ़तियों से जंहा छुटकारा मिलेगा, तो वन्ही उन्हें अपनी फसल के अच्छे दाम भी मिलेंगे। किसान देश मे कहीं भी अपनी फसल को बेच सकता है। उन्होंने कहा कि यह कृषि विधेयक किसानों के हित के लिए है परंतु कुछ विपक्षी पार्टियां अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने से बाज नहीं आ रही है व किसानों को गुमराह करने में कोई कसर नही छोड़ रही है जोकी निन्दनीय है। रमेश ठाकुर ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज की खरीद का प्रावधान रहेगा। नए प्रावधानों के अनुसार उपज की बिक्री के बाद किसानों को तीन दिनों के अंदर भुगतान करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्पादों पर टैक्स जीरो होने से किसानों को लाभ होगा।
अर्की। राजकीय महाविद्यालय अर्की में एकेडमिक सत्र 2017- 2018 के मेधावी छात्रों को महाविद्यालय प्राचार्य डॉ दिलीप शर्मा ने लैपटॉप वितरित किए जिनमें बीए के 6, बीएससी के 1 तथा बीकॉम के 3 छात्रों को ये लैपटॉप वितरित किए गए। लैपटॉप प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों में ललिता देवी, हेमलता, गीता, प्रोमिला, मीनाक्षी, हिमानी वर्मा, योगीशा, स्वाति, अंकित कुमार, कमलकिशोर, शामिल रहे। प्राचार्य डॉ दलीप शर्मा ने सभी मेधावी छात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ कूँवर, दिनेश सिंह, अधीक्षक चमनलाल रघुवंशी तथा लिपिक राजेश्वर शर्मा भी उपस्थित रहे।
सोलन। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सोलन केसी चमन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा जिला निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के साथ मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण व परिवर्तन के सम्बन्ध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वर्तमान में जिला में 573 मतदान केन्द्र हैं। इनमें 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 132, 51-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 115, 52-दून विधानसभा क्षेत्र में 95, 53-सोलन विधानसभा क्षेत्र (अनुसूचित जाति) में 128 तथा 54-कसौली विधानसभा क्षेत्र में (अनुसूचित जाति) 103 मतदान केन्द्र हैं। केसी चमन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियांे से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि सभी मतदान केन्द्रों पर केवल पात्र व्यक्तियों के मत ही बनें। बैठक में 10 मतदान केन्द्रों के परिवर्तन, 04 मतदान केन्द्रों के नाम परिवर्तन तथा एक मतदान केन्द्र के भवन को बदलने के सम्बन्ध में सुझाव प्राप्त हुए। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा, नायब तहसीलदार निर्वाचन महेंद्र ठाकुर उपस्थित थे।
कुनिहार(सोलन)। कुनिहार न्यू बस स्टैंड पर उस समय माहौल गर्म हो गया जब एक युवक ने सार्वजनिक शौचालय में शौच करने गई युवती की तस्वीरे मोबाइल पर खींच ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार को एक युवती को महिला शौचालय में जाते देखा तो एक युवक ने पुरुष शौचालय की ओर से दीवार पर चढ़ कर महिला शौचालय में युवती की फ़ोटो खींच ली। युवती को जैसे ही पता चला तो उसने युवक की इस हरकत पर आपत्ति जताते हुए उसे फ़ोटो डिलीट करने के लिए कहा। देखते-ही-देखते वँहा लोगो की भीड़ लग गई व युवती ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी तो इस युवक ने अपना फोन शौचालय की सीट में डाल दिया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एसएचओ कुनिहार रूपेश कांत की अगुवाई में घटना स्थल पर पहुंची व युवक को गिरफ्तार कर मोबाइल को भी अपने कब्जे में ले लिया। घटना स्थल पर एसएचओ कुनिहार रूपेश कांत ने बताया कि युवक को गिरफ्तार कर उसके फोन को भी कब्जे में ले लिया गया है व आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
कुनिहार(सोलन)। पंचायत समिति सदस्य डीडी कश्यप द्वारा ग्राम पंचायत पट्टाब्रावरी में किए जा रहे विकास कार्यों में स्वीकृत राशि के दुरुपयोग के आरोपों को कसौली निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जाति मोर्चा के सचिव हरीश कुमार ने निराधार बताया है व इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि जिस सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का कश्यप ने जिक्र किया है उस पर अभी तक 10 लाख सरकारी अनुदान से व लगभग 4 लाख स्थानीय जनता द्वारा अनुदान के रूप में दिए है, जो कि पूर्ण रूप से खर्च किए जा चुके हैं जबकि स्वयं डीडी कश्यप ने वर्ष 2008 में 15 लाख का प्राकलन बना कर दिया था जिसके लिए तत्कालीन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने 15 लाख रु देने की घोषणा की थी, लेकिन अपने कार्यकाल में सिर्फ 5 लाख ही दिए थे। वर्ष 2018 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री ने इस भवन के निर्माण कार्य हेतु 10 लाख देने की घोषणा की थी जिसमें से करीब 7लाख रु जारी कर दिए गए हैं व कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। हरीश कुमार ने बताया कि कश्यप ग्राम पंचायत की प्रत्येक बैठक में भाग लेते हैं व इन्हें पूर्ण जानकारी भी है कि इस क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए मंत्री ने कितना पैसा दिया है परंतु हैरानी इस बात की है कि वह हर विकास कार्यों का श्रेय वर्तमान मंत्री को देने की बजाय समाचार पत्रों के माध्यम से इनकी छवि को खराब करने के उद्देश्य से गलत बयान बाजी करके जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने डीडी कश्यप से आग्रह किया कि पंचायत सचिव से इस पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए मंत्री द्वारा जारी राशि का पूर्ण विवरण ले और बिना किसी ठोस सबूत के मंत्री के खिलाफ किसी प्रकार की अभद्र टिप्पणी ना करें।
दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत दावटी में विकासखंड कुनिहार स्वच्छ भारत मिशन की समन्वयक हरदेई ठाकुर की अगुवाई में चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत सफाई अभियान चलाया गया। 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न महिला मंडलों द्वारा विभिन्न गांव की सफाई की जा रही है। हरदेई ठाकुर ने बताया कि वीरवार को इस कार्यक्रम के अंतर्गत दावटी गांव में विभिन्न स्थानों पर उगी भांग को उखाड़ा गया। दावटी प्राथमिक विद्यालय के आसपास व मंदिर परिसर को भी साफ सुथरा किया गया। गांव की ओर आने वाले रास्तों के दोनों ओर की झाड़ियों को काटा गया। रास्तों में पड़े कचरे को इकट्ठा कर एक स्थान पर जलाया गया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में महिला मंडल दावटी की समस्त महिला सदस्यों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस अभियान में भाग लेने वाली महिलाओं में महिला मंडल प्रधान लीला देवी, सचिव उमा देवी, सदस्य निर्मला, बंती, हेमा, हिमांशी, कृष्णा, अंजू, सिमरन, ललिता, आकांक्षा, बबली, बंती देवी और रीता ने भाग लिया।
सोलन जिला के उप शिक्षा निर्देशक कार्यलय में कार्यरत सहायक शारीरिक शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार उर्फ कोबरा किंग के नाम से विख्यात शिक्षक को आने वाली 4 अक्टूबर को समाजसेवी संस्था आदर्श संस्कारशाला मथुरा द्वारा शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व सेवाओ के लिए आदर्श शिक्षा रत्न 2020 से सम्मानित किया जा रहा है। इसकी जानकरी देते हुए सहायक शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि हिनाचल जैसे छोटे प्रदेश से दो लोगो को इस समान के लिए संस्था ने नाम चयन किए है जो गौरव की बात है उक्त जिला सोलन के सुरेंद्र कुमार को शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में नवोचारि कार्यो के लिए उक्त सम्मान के लिए चयन हुआ है। कोरोना महामारी के चलते उक्त सम्मान समारोह ऑनलाइन पूरे देश के 29 कर्म योद्धाओं को इसमें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने संस्था द्वारा उनके नाम चयन के लिए संस्था के पदाधिकारियों का विशेष आभार व्यक्त किया है। इस प्रकार के सम्मान से सम्मानित होने से लोगों का मनोबल बढ़ता है और शिक्षा में और बेहतरी के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन की एनएसएस इकाई ने गांधी जयंती को स्वच्छता पखवाड़ा के रूप में मनाया। कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश चंद बट्टू ने इस अभियान के अंतर्गत नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, हस्त प्रक्षालन आदि कई गतिविधियां ऑनलाइन ही करवाई गई। इस दौरान विद्यालय परिसर में पेय जल टंकी को संवारा।विद्यालय को सेनिटाइज किया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमारी ने महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े प्रसंग वॉलंटियर्स के साथ सांझा किए। संतोष कुमारी ने बताया कि गांधी अपना काम स्वयं करते थे और हमें भी स्वयं करना चाहिए। इस मौके पर स्वयंसेवी हिमानी, भगत, तान्या, शिवानी, हर्षित भारद्वाज, गीतांजलि, हर्षिता, ललिता, अनामिका, जैस्मीन आदि ने बढ़ चढ़कर कर भाग लिया। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य वॉलंटियर्स को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
HFCL और HelpAge India के सौजन्य से चल रही सोलन SMMU (Specialised mobile medical unit) ने आज अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस मनाया। SMMU ने एक वेबिनार के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सोलन जिला के उपायुक्त के सी चमन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ एन के गुप्ता, अनुराधा जिला कल्याण अधिकारी, राजेश कुमार स्टेट हेड HelpAge India और डॉ आर के पठानिया एक पैनेलिस्ट के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही HFCL ने बरोग पंचयात में एक हेल्थ कैंप का आयोजन किया जिसमें जिला वेलफेयर अधिकारी मूख्य अतिथि क रूप में शामिल हुए। उन्होंने लोगों को सरकार की वृद्धों के लिए योजनाओं के बारे में विस्तार से समझाया।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में चलते काफिले के दौरान सड़क हादसे में हिमाचल के सिरमौर का 42 वर्षीय जवान शहीद हो गया। सिरमौर के धारटीधार इलाके की नौनी (जामटा) पंचायत के कटीयार गांव के सुरेश कुमार, सेना की 155 टी ए बटालियन में शोपियां में तैनात थे। गत 29 सितंबर को सेना की लगभग 100 गाड़ियों का काफिला जम्मू से श्रीनगर के लिए निकाला। उनमें से बीच की गाड़ी उधमपुर के समीप दूसरी गाड़ी को बचाने के चक्कर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें हवलदार सुरेश कुमार भी सवार थे जिन्हें दुर्घटना के बाद सैनिक अस्पताल ने मृत घोषित कर दिया। 30 सितंबर को शहीद की पार्थिव देह उधमपुर से घर के लिए रवाना कर दी गई। देर रात शहीद की पार्थिव देह नाहन पहुंची और रात को नाहन मे ही रखी गई। गुरूवार को प्रातः 8:00 बजे शहीद की पार्थिव देह भूतपूर्व सैनिक संगठनों व स्थानीय लोगों के कफिले के साथ शहीद के पैतृक गांव कतयाड़ के लिए लाया गया। रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा की। पिता जोगेंद्र सिंह, माता शीला देवी व शहीद की पत्नी शीला देवी तथा बेटे आर्यन एवं विवेक व परिवार तथा गांव के लोग पार्थिव देह को देखकर बिलखने- चिल्लाने लगे। गांव तथा पूरे इलाके में शोक की लहर है। शहीद के जेष्ठ पुत्र विवेक ने पवित्र देह को मुखाग्नि दी। उपस्थित सभी लोगों ने भारत माता की जय, शहीद सुरेश अमर रहे के नारे लगाए। उपस्थित सभी लोगों ने शहीद के परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा को शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। नौनी ग्राम पंचायत के प्रधान नरेश ठाकुर ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर श्मशान घाट के लिए पहाड़ी और संकरा रास्ता होने के बावजूद भी साफ-सफाई तथा देह संस्कार के लिये बहुत अच्छी व्यवस्था की जिसके लिए सभी लोगों ने उनकी सराहना की। इस मौके पर मुख्यतः परिवार के सदस्यों और सगे संबंधियों के अलावा डीसी सिरमौर डॉ० आर के परूथी, अतिरिक्त एसपी सिरमौर बबीता राणा, एसडीएम विवेक, नाहन के विधायक डाॅ राजीव बिंदल, भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा-शिलाई से अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान, सचिव नरेंद्र सिंह ठुंडू, पूर्व सैनिक सगंठन धारटीधार, पूर्व सैनिक सगंठन रेणुका जी- सगड़ाह, भूतपुर्व सैनिक सगंठन नाहन, स्थानीय पंचायत व गांव के प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हिमचाल प्रदेश में कोरोना महामारी का कहर जारी है। प्रदेश में कोरोना का आंकड़ा 15 हज़ार पार करने वाला है। वीरवार को भी कोरोना ने प्रदेश में कहर दिखाया। आज दोपहर तक 21 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं, इनमें कांगड़ा से 2 व ऊना से 19 मामले सामने आए हैं। वहीं 6 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा 218 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसी के साथ प्रदेश में कोरोना का आंकड़ा 14997 पर पहुँच गया है, वहीं 11588 लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात दी है। प्रदेश में अब 3197 मामले सक्रिय हैं व 187 मरीजों की मौत हो चुकी है।
- शवों को जलाने के लिए होगा उपलों का प्रयोग, कटने से बचेंगे पेड़ - पर्यावरण संरक्षण के लिए इंनरव्हील क्लब सोलन ने डांगरी गौशाला में डोनेट की उपले बनाने वाली मशीन हिमाचल प्रदेश देश में अपने स्वच्छ पर्यावरण के लिए जाना जाता है। प्रदेश में निरंतर चल रहे विकास कार्यों के चलते पेड़ भी कट रहे हैं। ऐसे में सामाजिक संगठन भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य कर रहे है। इनरव्हील क्लब सोलन भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम कर रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को इंनरव्हील क्लब सोलन ने शहर के साथ लगते डांगरी गांव में गौशाला में गाय के गोबर से उपले बनाने के लिए एक मशीन डोनेट की। इस मौके पर गौशाला के फाउंडर कुलभूषण गुप्ता और इनरव्हील क्लब सोलन की टीम मौजूद रही। यह हिमाचल की पहली मशीन: अग्रवाल इनरव्हील क्लब सोलन की प्रधान प्रियंका अग्रवाल ने बताया कि गाय के गोबर से उपले तैयार करने के लिए डागंरी गौशाला में बुधवार को मशीन को इंस्टॉल की गई। यह प्रदेश में लगने वाली अपनी तरह की पहली मशीन है। उन्होंने बताया कि गोबर के उपलों को हम ईंधन के रूप में इस्तेमाल करके पेड़ों को कटने से बचा सकते हैं। इस मशीन से तैयार होने वाले उपलों से शवों को जलाने के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा। ईंधन की जरूरतें पूरा होने से हमारी हरियाली बची रहेगी। इस मशीन से बने हुए उपले कई जगह पर काम आएंगे। यह उपले पर्यावरण को भी संरक्षण प्रदान करेंगे। इस मशीन में दो से तीन दिन पुराने गोबर को उपयोग में लाया जाता है। डांगरी में यह उपले बनाने की मशीन इनरव्हील क्लब सोलन की प्रधान प्रियंका अग्रवाल ने बताया कि इस मशीन को डांगरी में लगाने का श्रेय कुलभूषण गुप्ता को भी जाता है जिन्होंने इस मशीन को यहां लगाने के लिए सहयोग दिया। इस अवसर पर इनरव्हीलक्लब सोलन क्लब सचिव योगिता सिंगला, एडिटर सुमन कंवर, ऊषा विज, कोषाध्यक्ष कल्पना परमार, सविता शर्मा, खुशबू, बिंदू महाजन व अन्य मौजूद रही।
भाजपा किसान मोर्चा अर्की मंडल के अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला ने कृषि सुधार विधेयक को मंजूरी मिलने की सराहना की है। किसान मोर्चा अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला ने कहा है कि इससे कृषि के क्षेत्र में विकास का एक नया इतिहास लिखा जाएगा। यह बिल किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में भी कार्य करेगा। देश के प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह विधेयक पास किया गया तथा इस विधेयक को लाने से किसान बिचौलियों से मुक्त होकर अपनी फसल को जहां चाहे वहां उचित दर से बेच सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे जाहिर होता है कि ये सरकार किसानों, बागवानों की हितेषी है, जो जो योजनाएं मोदी सरकार ने लाई है। उनमें सबसे ज्यादा योजनाएं किसानों के हित में है जिससे किसान परिवार खुशहाल बनेंगे। इस विधेयक को लाने वाले पारित करने के लिए किसान मोर्चा महामंत्री प्रेम शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी जिला सचिव राकेश गौतम, ललित शर्मा, पवन गौतम, बंटू शुक्ला, ओमप्रकाश ने केंद्र सरकार का धन्यवाद किया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में बुधवार 30 सितंबर को राजीव कुमार गौतम ने प्रधानाचार्य के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य हंसराज शर्मा ने विद्यालय के सभी अध्यापकों के साथ राजीव कुमार का स्वागत किया। इस विद्यालय में प्रधानाचार्य का पद काफी समय से रिक्त चल रहा था। अब प्रधानाचार्य का पद भरने पर समस्त विद्यालय परिवार और विद्यालय प्रबंधन समिति ने खुशी व्यक्त की है। विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान हेमराज ठाकुर ने भी प्रबंधन समिति एवं अभिभावकों की ओर से विभाग तथा सरकार का आभार व्यक्त किया गया। प्रधानाचार्य राजीव कुमार गौतम ने इस अवसर पर विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए अपना पूरा समय देने का भरोसा दिया। विद्यालय के उपप्रधानाचार्य हंसराज शर्मा ने विद्यालय में उपस्थित 50% स्टाफ का परिचय प्रधानाचार्य से करवाया। उन्होंने नवनियुक्त प्रधानाचार्य को अपनी तथा समस्त स्टाफ की ओर से पूरा सहयोग देने व हर प्रकार की सहायता करने का भरोसा दिलाया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुरूप पंचायती राज निर्वाचन-2020 के लिए मतदाता सूचियां तैयार करने का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार जिला की उन पंचायतों एवं नगरपालिकाओं, जो विभाजन व पुनर्गठन की प्रक्रिया से प्रभावित नहीं हैं की मतदाता सूचियां तैयार करने का कार्यक्रम जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 03 अक्तूबर, 2020 को किया जाएगा। पुनरीक्षण प्राधिकारी के समक्ष दावे एवं आपत्तियां दायर करने की अवधि 05 अक्तूबर, 2020 से 14 अक्तूबर, 2020 तक निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्राधिकारी द्वारा दावे एवं आपत्तियों पर निर्णय इनके दायर करने के 07 दिन के भीतर लिया जाएगा। अपील प्राधिकारी के समक्ष अपील, पुनरीक्षण प्राधिकारी द्वारा आदेश पारित करने के 07 दिन के भीतर की जा सकेगी। अपील प्राधिकारी द्वारा अपील दायर करने के 05 दिन के भीतर अपीलों पर निर्णय लिया जाएगा। मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन 05 नवम्बर, 2020 को अथवा इससे पूर्व किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्राधिकारी यह सुनिश्चित बनाएंगे कि उक्त कार्य में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 28 सितम्बर, 2020 को जारी अधिसूचना का पूर्ण पालन हो। केसी चमन ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रथम जनवरी, 2020 को अहर्ता तिथि घोषित की गई है। उन्होंने कहा कि दावों एवं आपत्तियों पर निर्णय लेने के लिए जिला सोलन के सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारियों को पुनरीक्षण प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी एवं पंचायत सचिवों को निर्देश दिए हैं कि वे मतदाता सूचियां तैयार करने के कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि सम्बन्धित ग्राम पंचायतों के निवासियों को इसकी जानकारी मिल सके।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुर्वेद मन्त्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ‘सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास’ के ध्येय के साथ प्रदेशवासियों को राहत पहुंचाने की दिशा में कार्यरत है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कोविड-19 के संकट के इस समय में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने, 02 व्यक्तियों के मध्य 02 गज की दूरी बनाए रखने और अपने हाथ बार-बार साबुन से धोने अथवा अल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से स्वच्छ रखने आवश्यक हैं। डाॅ. सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में विधायक ऐच्छिक निधि के लाभार्थियों को चैक प्रदान करने के उपरान्त सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर 14 लाभार्थियों को 02 लाख 69 हजार रुपए की राशि के चैक प्रदान किए गए। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्री ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा सम्बन्धित विभागों को इनके त्वरित निपटारे के निर्देश दिए। डाॅ. सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को उनके घरद्वार के समीप बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। प्रयास किया जा रहा है कि लोगों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। इस दिशा में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन कारगर सिद्ध हो रही है। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन आम आदमी की छोटी से लेकर बड़ी समस्याओं का शीघ्र हल सुनिश्चित बना रही है। इसके माध्यम से विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री नम्बर 1100 के माध्यम से अपनी समस्या दर्ज करवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन पर अभी तक 01 लाख 24 हजार 524 प्राप्त शिकायतों में से 99 हजार से अधिक का निपटारा सुनिश्चित बनाया गया है। इस अवसर पर भाजपा मण्डल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुंदरम ठाकुर, ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के प्रधान मदन मोहन मेहता, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, तहसीलदार कसौली मनमोहन जिस्टू सहित भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा लाभार्थी एवं स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री के दौरे तक अटल टनल को सील कर दिया गया है। उद्घाटन तक किसी को भी अटल टनल में प्रवेश की अनुमति नहीं है। आज उद्घाटन की तैयारियों का जायज़ा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के काफिले को भी अटल टनल पार करने के लिए विशेष अनुमति लेनी पड़ी। मुख्यमंत्री का काफिला लाहुल की तरफ अटल टनल के नाॅर्थ पोर्टल सिस्सु में रोका गया। उनके काफिले में एक वाहन वाहन ज्यादा था जिस कारण एसपीजी ने उनके काफिले को रोक दिया। एसपीजी के अधिकारियों ने दिल्ली से अनुमति ली जिसके बाद ही मुख्यमंत्री के काफिले को आगे बढ़ने की इजाज़त दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के मद्देनजर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तैयारियों का जायज़ा लेने आज सुबह लाहुल-स्पीति के सिस्सू पहुंचे। जयराम ठाकुर वहां जिला प्रशासन कुल्लू व लाहुल-स्पीति के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। साथ ही वह सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों के साथ भी बैठकें करेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एक अक्टूबर तक वहां पर मौजूद रहेंगे।
प्रदेश में कोरोना से मौत का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को भी प्रदेश में कोरोना से दो मौते हुई हैं। शिमला के आईजीएमसी में कोरोना से दो व्यक्तियों ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति सिरमौर के नहान और दूसरा जिला शिमला के घणाहटी का रहने वाला बताया जा रहा है। सिरमौर निवासी मृतक 62 वर्षीय था व नाहन से आईजीएमसी के लिए रेफर किया गया था। 28 सितम्बर को व्यक्ति का टेस्ट हुआ जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और देर रात इनकी मौत हो गई है। शिमला निवासी मृतक का 28 सितम्बर को ही रैपिड एंटीजेन टेस्ट हुआ था और रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
आगामी 4 अक्टूबर रविवार को प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ सोलन की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन कुनिहार में किया जा रहा है। इस मीटिंग के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए संघ के प्रधान यतेंद्र पाल ने बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक में सोलन जिला के समस्त प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों (पीईटी) को आमंत्रित किया गया है। मीटिंग में सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हो एवं सरकारी दिशानिर्देशों का पूरी तरह अनुपालन करते हुए इस मीटिंग का आयोजन किया जा रहा है। इस बैठक में संघ की भावी रणनीति पर संघ के सदस्यों के साथ विचार विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक वर्तमान प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों में हजारों की संख्या में रिक्त पड़े पीईटी को भरने के लिए अभी तक इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई नहीं कर रही है। वर्तमान परिदृश्य में हिमाचल प्रदेश शारीरिक शिक्षा और शारीरिक शिक्षकों की निरंतर अवहेलना हो रही है। शारीरिक शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षकों के हजारों पद खाली होने से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कैसे संभव होगा यह विषय विचारणीय है। सोलन प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश सरकार से शीघ्र अति शीघ्र शारीरिक शिक्षकों के रिक्त पदों को कमीशन, बैजवाइज एवं बैकलॉग से भरने की पुरजोर गुहार लगाती है।
प्रधानमंत्री मोदी के 3 अक्टूबर को मनाली आ रहे हैं। लेकिन PM के दौरे से पहले पुलिस को मानली में एक गाड़ी से 3 रिवाल्वर बरामद हुई हैं। रिवाल्वर पकड़े जाने के बाद से ही पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां और भी ज़्यादा सतर्क हो गई है और पहरा कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने प्रीणी के एक उद्योगपति की गाड़ी से ये हथियार बरामद किए हैं। तीन में से दो रिवाल्वर के लाइसेंस हैं जबकि एक अवैध हैं। ये सभी हरियाणा में बनी हैं और दो के प्रदेशस्तरीय लाइसेंस हैं, ऐसे में इन्हें दूसरे राज्य में ले जाना अपराध हैं। ये कामयाबी पुलिस को प्रीणी में चेकिंग करते हुए मिली। इस मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद से पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने होटलों में भी चेकिंग का काम शुरू कर दिया है।


















































