कोरोना वायरस तेजी से पूरी दुनिया मे फैल रहा है जिससे प्रशासन भी गम्भीर हो गया है। इसी के अंतर्गत मुख्यालय अर्की में जिला नियंत्रक मिलाप शांडिल व उपमंडलाधिकारी नागरिक अर्की विकास शुक्ला के निर्देशानुसार अर्की की सभी दवाई की दुकानों का निरीक्षण खाद्य एवम आपूर्ति निरीक्षक सुनील गूँटा द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि ( H. P. community and price marking and display order 1977) समुदाय ओर मूल्य बनाने और प्रदर्शन का क्रम बनाने और प्रदर्शन के आदेश 1977 के अंतर्गत सरकार द्वारा हेंड सेनिटाइजर और मास्क को आवश्यक वस्तु की सूची में शामिल कर दिया गया है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सभी दवाई विक्रेताओं को निर्देश दिए कि उपरोक्त दोनों वस्तुओं की मूल्य सूची अपनी दुकानों में प्रदर्शित करें व इन की उपलब्धता की कमी नही होनी चाहिए।
दाड़लाघाट सब तहसील में उपमंडल अधिकारी अर्की से प्राप्त निर्देशों के अनुसार नायब तहसीलदार बसंतलाल राजटा की अध्यक्षता में क्षेत्रीय कर्मचारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी कर्मचारियों को विश्वभर में फ़ैल रहे कोरोना वायरस के बारे विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि वे क्षेत्र में जाकर सभी लोगों को इस वायरस के बारे डब्ल्यूएचओ, भारत सरकार, हिमाचल सरकार द्वारा जारी की गई एडवाइजरी से जागरूक करें तथा लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों में न जाने बारे भी सचेत करें। उन्होंने यह भी बताया कि धार्मिक उत्सव, जागरण, भंडारे जहां भीड़ इकट्ठी हो ऐसे स्थानों पर जाने से भी लोग गुरेज करें। उन्होंने कहा लोगों को इस वायरस से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है केवल सावधानी एवं निरंतर सफाई की आवश्यकता है। बैठक में वरिष्ठ सहायक राजेंद्र सिंह, करमचंद क्षेत्रीय कानूनगो, रविदत्त कार्यालय कानूनगो तथा सब तहसील के समस्त पटवारियों ने भाग लिया।
कुनिहार विकास सभा का सपना साकार होता दिख रहा है, क्योंकि प्रदेश सरकार ने कुनिहार के कोठी घाटी में अटल आदर्श विद्या केंद्र खोलने का आश्वाशन सभा के प्रधान को दिया है। विकास सभा के प्रधान धनी राम तनवर ने मुख्यमंत्री शिकायत कक्ष 1100 नम्बर पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि 50 वर्ष पहले कोठी घाटी में कुनिहार सोलन मार्ग के साथ खसरा नम्बर 418 में 29 बीघा 4 बिश्वा शामलात भूमी जिसकी कीमत कई करोड़ो में है, शिक्षा विभाग के नाम दर्ज है। इस जमीन का विभाग ने आजतक कोई उपयोग नही किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 25 जनवरी 2019 को पूर्ण राजयत्व दिवस पर कुनिहार में अटल आदर्श विद्यालय खोलने की घोषणा की थी। इस घोषणा के लिए कोठी घाटी में करीब 30 बीघा जमीन उपलब्ध है। इस शिकायत पर सभा के प्रधान को दूरभाष के द्वारा सूचित किया गया है कि आपकी शिकायत पर सरकार ने विचार किया है कि इसी भूमी पर उपरोक्त विद्यालय का निर्माण किया जाए व राजकीय वरिष्ठ बॉयज माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य को आदेश दिया है, कि वे सरकार को इस बारे जल्द प्रस्ताव भेजे ताकि अंतिम निर्णय लिया जा सके व इस जमीन पर अटल आदर्श विद्या केंद्र का जल्द निर्माण हो सके।
आज पूरे विश्व मे कोरोना वायरस का संक्रमण लोगो को परेशान किए हुए है। इस संक्रमण से बचने के लिए हर देश की सरकार व विभिन्न सामाजिक संस्थाएं लोगो को जागरूक कर रही है। तो वन्ही ग्राम पंचायत कोठी के गाँव नमोल के महिला मण्डल ने भी अपना दायित्व समझा व इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को महिलाओं ने एक बैठक कर इस वायरस से बचने बारे चर्चा की व अपने घर व आसपास साफ सफाई पर ध्यान देने के साथ खाना खाने से पहले साबुन से हाथ धोने, गर्म पानी का सेवन करने सहित अन्य कई सुझाव एक दूसरे से साझा किए तथा प्रण लिया कि अपने गॉंव के सार्वजनिक स्थानों बावड़ी, रास्ते व मंदिरों के आसपास समय समय पर साफ सफाई कर पूरे गांव को स्वच्छ रखेंगे। इस अवसर पर विद्या देवी, चंचल तनवर, रमा तनवर, कांता देवी, अंजली ठाकुर, शांति देवी, आशादेवी, रीता, चिंता देवी, गोदावरी, गीता देवी, निर्मला, अनिता, अमर देई, दयावंती, मीना आदि उपस्तिथ रही।
विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के अंतर्गत दाड़लाघाट, चण्डी, ग्याणा, कंधर, भराडीघाट, नवगांव, धुन्दन के उपभोक्ताओं को लंबित बिल जमा करवाने के लिए बिजली बोर्ड ने फरमान जारी किया है। जिन उपभोक्ताओं ने कई महीनों से बिजली के बिल जमा नही करवाए है उन्हें 23 मार्च तक बिल का भुगतान करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करने के लिए विद्युत कार्यालय में या ऑनलाइन जमा करवाएं, यदि इस दौरान जो उपभोक्ता बिल का भुगतान नहीं करता है तो उनके बिजली का कनेक्शन काट दिया जाएगा। विद्युत विभाग में सहायक अभियंता ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि कई महीनों से कुछ उपभोक्ता बिलजी का बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। इस कारण विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। उनको सूचित कर दिया गया है कि वह जल्द से जल्द बिल का भुगतान कर दें नहीं तो विद्युत अधिनियम 2003 के अनुसार कार्रवाई करते हुए उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा।
बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में बारहवीं कक्षा विज्ञान संकाय में उत्तीर्ण कर चुके छात्र आर्यन शर्मा का न्यूजीलैंड के होटल हिलटन आकलैंड में चयन होने पर विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने इस उपलब्धि पर बधाई दी है और उज्जवल भविष्य की कामना की हैI जानकारी देते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने बताया की आर्यन शर्मा मूल रूप से डूमेहर (अर्की) जिला सोलन के रहने वाले हैं और उन्होंने इस विद्यालय से बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद शैड्स सीएचएम् संसथान सोलन से आतिथ्य प्रबंधन कोर्स कर रहे थेI जिससे उनका चयन न्यूजीलैंड के होटल हिलटन आकलैंड के लिए प्रशिक्षु के तौर पर किया गया हैI प्रशिक्षण के दौरान आर्यन शर्मा को होटल ने मासिक वेतन लगभग डेड लाख एवं भविष्य में नौकरी के साथ न्युक्त किया हैI आर्यन शर्मा ने इस उपलब्धि से विद्यालय का, कुनिहार का, जिला सोलन का, इलाके का और अपने माता-पिता तथा गुरुजनों का नाम रोशन किया हैI विद्यालय अध्यक्ष और विद्यालय मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने आर्यन शर्मा के अभिभावकों माता पुष्पा जो की डूमेहर के एक निजी विद्यालय में कार्यरत हैं और पिता रामेश्वर शर्मा कनिष्ट अभियंता के पद पर बिजली विभाग दाडलाघाट में सेवाएँ दी रहे हैं उन्हें भी आर्यन शर्मा की इस उपलब्धि पर बहुत बधाई दी हैI विद्यालय कार्यवाहक प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल, उप- प्रधानाचार्य किरण लेखा जोशी, विद्यालय अभिभावक संघ के अध्यक्ष रतन तनवर और विद्यालय के सभी अध्यापकों ने आर्यन शर्मा को इस उपलब्धि पर बहुत बधाई दी और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की हैI विद्यालय कार्यवाहक प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल ने जानकारी देते हुए बताया की इस विद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर चुके विद्यालय के अनमोल मोती कृतिका ठाकुर और राहुल मोहिंद्रू भी न्यूज़ीलैंड में कार्यरत हैंI
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान सुरेन्द्र शुक्ला ने की। बैठक में पंचायत के प्रधान सुरेन्द्र शुक्ला व उपप्रधान लेखराज चंदेल सहित अन्य पंचायत सदस्यों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दाड़लाघाट में नया बस स्टैंड बनाने हेतु बजट में प्रावधान करने के लिए हार्दिक आभार तथा स्वागत किया है। पंचायत प्रधान सुरेन्द्र शुक्ला व उपप्रधान लेखराज चंदेल ने कहा कि दाड़ला की जनसंख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है यहां बस स्टैंड का होना नितांत आवश्यक था। मुख्यमंत्री ने लोगों की इस चिर मांग को पूरा किया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि दाड़लाघाट में सीवरेज व्यवस्था को भी सुचारू रूप से चलाया जाना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि दाड़लाघाट अब नए शहर के रूप में उभर रहा है। उन्होंने सरकार से दाड़ला महाविद्यालय के लिए भी शीघ्र से शीघ्र अधिक से अधिक बजट का प्रावधान करने की गुजारिश की क्योंकि दाडलाघाट के छात्रों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है ताकि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं निजी भवन से लाभान्वित हो सकें। बैठक में विभिन्न समस्याओं व कार्यों पर चर्चा की गई। इस मौके पंचायत प्रधान सुरेन्द्र शुक्ला, उपप्रधान लेखराज चंदेल, पंचायत सदस्य नरेंद्र चौधरी, पुष्पेंद्र शर्मा, अरुण गौतम, मदनलाल, रमेश भाटिया, यशपाल, इंदिरा देवी, विमला, कुंता, मीरा, अदिति, कृष्णा, मीना, चंपा पंचायत सचिव धनीराम, पवन शर्मा इत्यादि उपस्थित रहे।
रविवार रात, पुलिस थाना कण्डाघाट ने कण्डाघाट से शिमला की तरफ आ रही एक गाड़ी की चेकिंग की। गाड़ी को चैक करने पर अंदर से 148 पेटी शराब देशी उना न0-01 व 16 पेटी शराब सन्तरा न० 1 कुल 164 पेट्टी (1968 बोतलें) बरामद हुई। गाड़ी चालक का नाम विरेन्द्र कुमार गांव ढमेची, शिमला बताया जा रहा है। पुलिस ने उपरोक्त के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है व आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। ख़ुफ़िया सूत्रों से जानकारी मिलने के उपरांत पुलिस ने रविवार शाम बसाल रोड पर रहने वाले एक युवक के कमरे में छापा मारा। पुलिस को युवक के कमरे से 2 अदद सिरिंज मार्का DISPOVAN-1 ml व कुल 603 ग्राम हेरोईन बरामद हुई। युवक का नाम विकास सूद गाँव बावरा उम्र 30 साल बताया जा रहा है। पुलिस ने विकास सूद उपरोक्त को गिरफ्तार कर लिया है और आगामी कार्यावाही अम्ल में लाई जा रही है ।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजेंद्र शर्मा ने कहा है कि पूरे विश्व में फैले कोरोना वायरस, कोविड-19 से खतरे से बचने के लिए योग व प्राणायाम बेहतरीन माध्यम है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने कहा कि कोरोना वायरस का अभी तक कोई उपचार उपलब्ध नहीं है लेकिन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर इसके खतरे से बचा जा सकता है। डॉ. राजेंद्र शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद में वर्णित ऋतुचर्या एवं दिनचर्या का पालन करके, पौष्टिक व संतुलित आहार व विहार करके इस वायरस से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जंक फूड, बर्गर, पिजा, चॉकलेट, चिप्स, कुरकुरे इत्यादि का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि च्यवनप्राश, अश्वगन्धा चूर्ण, श्तावरी चूर्ण एवं वासावलेह के प्रयोग से रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कफ के लक्षण होने पर काली मिर्च के चूर्ण का शहद के साथ सेवन करें। बसंत ऋतु शुरू हो गई है मीठा एवं खट्टे पदार्थों का सेवन न करें। नीम के पत्तों का सेवन करें। मूंग व मसूर का अधिक सेवन करें। पुराना अनाज एवं भुना हुआ अनाज खाएं। शहद का सेवन करें। व्यक्ति अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए गिलोय, नीम, अदरक व कालीमिर्च के काढ़े का सेवन कर सकते हैं। जिला आयुर्वेदिक आधिकारी ने कहा कि एलोवेरा जेल, डिस्टिल्ड वाटर, लौन्ग का तेल, लेवेंडर का तेल, विटामिन-ई को 10-15 मिनट किसी बर्तन में रखने से घरेलू सेनेटाइजर तैयार किया जा सकता है। इसके अलावा समुद्री नमक, डिस्टिल्ड वाटर, दालचीनी का तेल, सफेदे का तेल एवं नीम्बू को एक बोतल में डालकर घरेलू सेनेटाइजर के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शारीरिक व्यायाम, योग एवं प्राणायाम नियमित रूप से करने पर शरीर को हृष्ट-पुष्ट रखा जा सकता है। भस्त्रिका प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का नियमित रूप से करते रहे। मकरासन, भुजंगासन, शलयासन, उतानपाद आसन, पवन मुक्तासन, ताड़ आसन का अभ्यास करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 का लक्षण होने पर नजदीकी आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सालय से संपर्क करें।
उपमंडलाधिकारी नागरिक कार्यालय अर्की में एसडीएम अर्की विकास शुक्ला की अध्यक्षता में करोना वायरस को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें उन्होंने क्षेत्र के सभी सामाजिक एवम धार्मिक संगठनों, संस्थाओं एवम आम नागरिकों से अपील की है कि कोरोना वायरस के विश्वव्यापी संक्रमण के दृष्टिगत किसी भी धार्मिक आयोजन, सामाजिक समारोह, मेले, जागरण व अन्य कार्यक्रम जिसमे लोगो का जमावड़ा हो ऐसे आयोजनों को स्थगित रखने का कोशिश करें एवं स्वयं को भी भीड़ भरे आयोजनों से दूर रखें। कोरोना वायरस से व्यक्तिगत सतर्कता व सावधानी ही श्रेष्ठ बचाव है। एसडीएम शुक्ला ने बताया कि प्रशासन ने सावधानी बरतते हुए एहतियातन 4 रेस्टहाउस बुक कर दिए गए हैं जिसमें लगभग 19 कमरे हैं ताकि यदि कोई ऐसा मरीज हो तो उसे ऑब्जर्वेशन में रखा जा सके। उन्होंने बताया कि लोगो को इस वायरस से जागरूक करने के लिए जगह जगह पर होर्डिंग्स लगाए जाएंगे व प्रचार व प्रसार के माध्यम से भी लोगो को इस बारे बताया जाएगा। उन्होंने अड्डा प्रभारी को आदेश दिये कि परिचालकों को जागरूक करें कि बस में बैठी सवारी खाँसने पर रुमाल या टिशू पेपर का इस्तेमाल करे व बसों में सेनिटाइजर व स्प्रे का प्रयोग जरूर करे। उन्होंने अम्बुजा व अल्ट्राटेक ट्रक यूनियनों को एडवाइजरी जारी कर दी है। इसी प्रकार डॉ विवेक ठाकुर ने कोरोना वायरस के लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी को खांसी, सांस लेने में दिक्कत व हल्का बुखार हो तो उसे तत्काल ही अपनी जांच निजी स्वास्थ्य केंद्र में करानी चाहिए। इस मौके पर तहसीलदार अर्की सन्त राम शर्मा, बीडीओ कुनिहार विवेक चन्देल, नगर पंचायत अध्यक्ष वीना ठाकुर, व्यापार मंडल के प्रधान अनुज गुप्ता, एसडीओ आईपीएच कुलदीप गुप्ता, एसएचओ अर्की प्यारेलाल, डेंटिस्ट विशाल वर्मा, स्थानीय केमिस्ट, स्थानीय हलवाई व अन्य लोग मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत नवगांव में अम्बुजा सीमेंट फॉउण्डेशन दाड़लाघाट की तरफ से स्वस्थ्य सखी सीता देवी द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडल समूहों को कोरोना वायरस से बचने के उपाय बताए गए। शिविर में उन्हें अच्छी प्रकार से हाथ धोने के तरीके व उपाय भी बताए गए। ग्रामीण सभी महिलाओं को कोरोना वायरस के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। स्वस्थ सखी ने महिलाओं को बताया कि कोरोना वायरस से भयभीत होने की कतई आवश्यकता नहीं है बस सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गांव में सभी को जागरूक करें कि वे अच्छे से अपने हाथ धोएं और खांसी या बुखार होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाए और बस में सफर करते समय या बाजार में घूमते समय मास्क का उपयोग करें। इस मौके पर पंचायत नवगांव की महिलाओं ने भाग लिया।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कोरोना वायरस, कोविड-19 के संबंध में सोलन जिलावासियों से सुरक्षा के दृष्टिगत एहतियात बरतने की अपील की है। उपायुक्त ने जिला के सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, संस्थाओं तथा आम नागरिकों से कोरोना वायरस के विश्वव्यापी संक्रमण के दृष्टिगत किसी भी धार्मिक आयोजन, सामाजिक समारोह, मेले, जुलूस आदि के आयोजनों को स्थगित रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं को भीड़ वाले आयोजनों से दूर रखें। केसी चमन ने कहा कि कोरोना वायरस से व्यक्तिगत सतर्कता व सावधानी ही श्रेष्ठ बचाव है। उन्होंने इसके लिए सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसरण करने का भी आग्रह किया।
वैश्विक महामारी कोविड-19 के दृष्टिगत जिला दण्डाधिकारी सोलन केसी चमन ने आदेश जारी कर जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा खंड विकास अधिकारियों को ‘सर्विलान्स पर्सनल’ नियुक्त किया है। यह आदेश महामारी रोग कोविड-19 नियमयन, 2020 की उपधारा-2 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल सोलन डॉ. महेश गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय, ईएसआई परवाणू के प्रभारी डॉ. कपिल को ‘सर्विलान्स पर्सनल’ नामित किया गया है। इन आदेशों के अनुसार जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, जिला के सभी चिकित्सा खंडों के खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सभी खंडों के खंड विकास अधिकारी, सभी उपमण्डलों के आयुर्वेदिक अधिकारी, जिला सोलन के सभी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक तथा स्वास्थ्य शिक्षकों को ‘सर्विलान्स पर्सनल’ नामित किया गया है। यह ‘सर्विलान्स पर्सनल’ कोविड-19 की निगरानी, रोकथाम व नियंत्रण के दृष्टिगत नामित किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक लागू रहेंगे।
नौणी विश्वविद्यालय मे 31 मार्च तक कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं लेकिन अधिकरी, कर्मचारी तथा वैज्ञानिक उपस्थित रहेंगे। कुलपति डा. परविंदर कौशल ने बताया कि विदेशी विद्यार्थियों को अनुमति लेकर जाना होगा और वापिस आकर फिटनेस करोना मुक्त प्रमाण पत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को देना होगा। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय मे आयोजित की जाने वाली अन्तर्महाविद्लीय खेल प्रतियोगिता भी स्थगित कर दी गई हैं। सभी प्रकार के समारोह भी भारतसरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार के आदेशानुसार 31 मार्च तक प्रतिबंधित रहेंगे।
हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच अर्की इकाई की मासिक बैठक लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह कुनिहार में इकाई अध्यक्ष बलबीर सिंह चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष बृजलाल ठाकुर ने कहा कि 23 फरवरी 2020 को प्रदेश संचालन समिति की बैठक परिवहन मंत्री के आवास पर देर रात संपन्न हुई थी, बैठक में चर्चा के उपरांत परिवहन मंत्री द्वारा निर्णय लिया गया कि दिनांक 24 फरवरी 2020 को प्रातः 11:00 बजे दुबारा सचिवालय में सचिव परिवहन एवं निगम के अधिकारियों के साथ बैठक होगी। 24 फरवरी को उपरोक्त अधिकारियों व परिवहन सचिव के साथ बैठक हुई, जिसमें परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में दोनों पक्षों की निम्न बिंदुओं पर सहमति बनी। वर्तमान में निगम से सेवानिवृत्त हुए लगभग 6500 कर्मचारियों की पेंशन से संबंधित पूर्व देन दारिया लगभग 265 करोड बनती है। 1.हिमाचल पथ परिवहन मुख्यालय में माननीय परिवहन मंत्री द्वारा पेंशन संबंधी भुगतान के लिए दैनिक आय का 7% का कोष स्थापित किया है,उसे बढ़ाकर 10% किया जाएगा। 2.जुलाई 2015 से लंबित महंगाई भत्ता जो कि 113% से 140 % तक बकाया है,कि कुल राशी 37 करोड़ एक मुश्त भुगतान करने बारे सहमति। 3.परिवहन में कार्यरत कर्मचारियों को दिए जाने वाले महंगाई भत्तो को एक साथ दिया जाने पर सहमति बनी। 4.अंतरिम राहत 4% से बढ़ाकर 8% करने पर सहमति। 5.राज्य सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तर्ज पर 65,70 व 75 वर्ष पूरे करने पर 5,10 व 15%बढ़ोतरी करने पर सहमति बनी। बैठक को अतिरिक्त महामंत्री हिमाचल प्रदेश भूप चंद अत्तरी द्वारा भी संबोधित किया गया। अपने संबोधन में अत्री ने कहा कि सेवानिवृत्त हजारों कर्मचारियों की निगाहें दिनांक 17 मार्च 2020 को होने वाले निदेशक मंडल की बैठक पर टिकी हुई है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पूर्ण आशा है, कि परिवहन मंत्री बैठक में पूर्व सरकार के कार्यकाल में करोड़ों रुपए का बकाया भुगतान एवं अन्य प्रमुख मांगों पर कोई ऐतिहासिक निर्णय लिया जाएगा। कल्याण मंच इस बैठक के उपरांत आगामी रणनीति के बारे में तुरंत बैठक बुलाएगा। इस बैठक में बृजलाल ठाकुर, भूपचंद अत्तरी, रघुनाथ शर्मा, भवानी, बलबीर चौधरी, देवी चंद, श्यामलाल गर्ग, परमानंद, प्रेमचंद, प्रेम कुमार, ज्ञान, जगदीश गुप्ता, राजेंद्र सिंह, राजेंद्र राणा,चेतराम, रामलाल, रामचंद्र,सुरेश, पदम शर्मा, प्रेम शर्मा, शंकर, शेर सिंह, प्रेम राज, प्रेम कुमार, जगदीश शर्मा, संतराम, हेमराज, प्रेमदास, टेकचंद, रघुवीर दास आदि सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे।
डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी द्वारा हिमाचल सरकार के निर्देशानुसार कोरोना वायरस के खिलाफ एहतियात बरतते हुए विश्वविद्यालय के नौणी स्थित मुख्य परिसर, नेरी और थूनाग महाविद्यालय में 31 मार्च तक सभी क्लास बंद रखने का निर्णय लिया है। सभी मिड टर्म और अन्य किसी भी परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा मुख्य परिसर और सभी स्टेशन पर भी ग्रुप एक्टिविटी को भी स्थगित किया गया है।
बाबा दीप सिंह जी शहीद गुरुद्वारा बरयाली दाड़लाघाट का तृतीय वार्षिक समारोह बड़ी श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ गुरुद्वारा प्रांगण में आयोजित किया गया जिसमें बाबा सुच्चा सिंह गुरुमति संगीत अकादमी जंडियाला गुरु अमृतसर से पधारे उस्ताद सुखवंत सिंह, उस्ताद जसपाल सिंह, उस्ताद अनिकबार सिंह ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर गुरुमति संगीत की आवश्यकता व महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर ज्ञानी सरवन सिंह विशेष तौर पर उपस्थित रहे। ज्ञात रहे कि ज्ञानी सरवन सिंह विश्व में सबसे लंबे केशधारी होने का गौरव प्राप्त कर चुके है तथा इनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल है।यह विशेष रूप से कनाडा से इस गुरुद्वारे में उपस्थित रहे।विगत 3 वर्षों से इस अकादमी में विगत 3 वर्षों से सांगीतिक गतिविधियों का संचालन उच्चतम व संगीत गुरुओं द्वारा किया जा रहा है तथा भविष्य में भी गुरमति संगीत से प्रयुक्त हो रहे परम्परिक वाद्यों के प्रशिक्षण की व्यवस्था अकादमी में की जाएगी, ताकि क्षेत्र के संगीत जिज्ञासुओं को गवेषणा के नवीन मार्ग मिल सके। गुरुद्वारा प्रबंधक ज्ञान सिंह एवं ज्ञानी हरि सिंह ने समस्त उपस्थित अतिथियों का स्वागत कर आगंतुकों के लिए लंगर व्यवस्था का आयोजन भी किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा लगाए गए निशुल्क कैंसर चिकित्सा शिविर में क्षेत्र के अनेक लोगों का मुफ्त उपचार किया गया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ललित कला संकाय के अधिष्ठाता आचार्य पीएन बंसल ने संगीत विशेषता गुरुमति संगीत संवर्धन में अकादमी के प्रयासों की सराहना करते हुए बरयाली गुरुद्वारा परिसर को संगीत के शोध आत्मक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि क्षेत्र के युवाओं में संगीत का प्रशिक्षण मिल सके।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कोरोना वायरस से निपटने की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आपात बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से कोरोना वायरस की रोकथाम को लेकर अपनी पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने दायित्व के अनुरूप रोकथाम को लेकर एहतियाती कदम उठाएं और सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी का अनुपालन करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जिला में कार्यरत सभी होटल संचालक जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को विदेशों से आए सभी लोगों की सूची उपलब्ध करवाएं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि विदेश से वापिस आया कोई व्यक्ति जांच से छूट गया हो तो वह प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें ताकि स्वास्थ्य कर्मी उनके घर पहुंच कर आवश्यक स्वास्थ्य जांच कर सकें। केसी चमन ने कहा कि जिला के क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, महर्षि मार्कण्डेय चिकित्सा महाविद्यालय सोलन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़, ईएसआईसी अस्पताल बद्दी, ईएसआई अस्पताल परवाणू में आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सभी उपमंडलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पृथक सुविधायुक्त आइसोलेशन केंद्र बनाने के लिए उपयुक्त भवन चिन्हित करें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के किसान आवास, कंडाघाट के डेढ़घराट स्थित किसान भवन तथा नालागढ़ के रामशहर रोड पर स्थित श्रमिक आवास को पृथक सुविधायुक्त केंद्र बनाए गए हैं जहां पर कोरोना वायरस संक्रमित रोगियों को उपचार के लिए रखा जा सकता है। केसी चमन ने बैठक में उपस्थित दवा विक्रेताओं को निर्देश दिए कि मास्क तथा सेनेटाइजर के संबंध में अपनी दुकान के सामने सूचना पट्ट लगाएं। दुकानदार यह भी सूचित करें कि खांसी, जुकाम से पीडि़त व्यक्ति ही मास्क का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि दवा विक्रेता मास्क व सेनेटाइजर का विक्रय उचित दामों पर ही करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के औषधी निरीक्षक को निर्देश दिए कि बद्दी व नालागढ़ में मास्क व सेनेटाइजर निर्माता कंपनियों के प्रबंधकों से बैठक करें तथा मास्क व सेनेटाइजर पर उचित दाम ही अंकित हो। उपायुक्त ने कहा कि कोरोना वायरस से निपटने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और सर्तक है। जिला प्रशासन कोरोना वायरस से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने पर ध्यान दे रहा है। सरकार की तरफ से बीमारी के लक्षण पहचानने और उसकी रोकथाम के उपायों की एडवाइजरी को लेकर लोगों को समय-समय पर जागरूक किया जा रहा है। आगामी चैत्र नवरात्र मेलों के दौरान मंदिरों तथा अन्य धार्मिक स्थलों पर भंडारों के आयोजन पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है ताकि इसे फैलने से रोका जा सके। इसके लिए सरकार द्वारा एडवाजरी का अनुसरण करना नितांत आवश्यक है। इनमें मेडिकल मास्क का प्रयोग करना व बार-बार सही तरीके से हाथ धोना महत्वपूर्ण उपाय हैं। कोरोना के संबंध में जारी एडवाइजरी के अनुसार अगर आप स्वस्थ हैं तो आपको मास्क पहनने की जरूरत नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ के लक्षण हों तो उसे थ्री लेयर मास्क का प्रयोग करना चाहिए ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके अतिरिक्त पीडि़त व्यक्ति को चिकित्सक की सलाह अवश्य लेनी चाहिए। उन्होंने सभी मेडिकल स्टोर व होटल संचालकों को निर्देश दिए कि प्रयोग किए गए मास्क को सम्भावित रूप से संक्रमित माना जाता है। इसे ब्लीच या सोडियम हाइपोक्लोराइट घोल का उपयोग कर कीटाणुरहित कर, जला कर अथवा जमीन में गहरा दबा कर नष्ट करना चाहिए। इसके अलावा साबुन से बार बार सही तरीके से 40 सेकेंड तक हाथ धोना संक्रमण से बचाव व रोकथाम का कारगर तरीका है। खांसते या छींकते समय अपना मुंह ढक लें। हाथ साफ नहीं हो तो आंख, नाक और मुंह को छूने से बचें। उपायुक्त ने आमजन से आग्रह किया कि यात्रा कम से कम करें तथा भीड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करें। कोरोना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए 104 पर संपर्क किया जा सकता है। यह सुविधा पूरे सप्ताह 24 घंटे निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक यादव, पुलिस अधीक्षक बद्दी रोहित मालपानी, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चंदेल, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा, उपमंडलाधिकारी सोलन रोहित राठौर, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डॉ. संजीव धीमान, उपमंडलाधिकारी अर्की विकास शुक्ला, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजेंद्र शर्मा, जिला दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सूद, चायल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
लघु किसान कल्याण एकता की आवश्यक बैठक सोलन विश्राम गृह मे सम्पन्न हुई जिसमें 100 किसानों ने भाग लिया। किसानों ने आरोप लगाया कि आजादी के इन 72 वर्षों मे भी चकौता धारक किसानों को मालिकाना हक नहीं मिल पाया। जिला सोलन किसान कल्याण एकता के अध्यक्ष कान्ति प्रकाश ने पूर्व सरकार पर आरोप लगाया कि उन्होंने मालिकाना हक के लिए गलत आदेश दिए जिससे आजादी के इन 72 वर्षों मे भी चकौता धारक किसानों को मालिकाना हक नहीं मिल पाया। किसान नेताओं ने हिमाचल सरकार से आग्रह किया कि तुरन्त प्रभाव से जिला के 8000 किसानों को शीध्र मालिकाना हक दिलाया जाए। अभी तक ग्राम पंचायतों द्वारा किसानों को गुजारा करने के लिए 5 से 10 बीघा जमीन भूमिहीनो को आबँटित की गई थी जिसके मा्लिकान हक के लिए चकौता धारक किसान सँघर्ष की राह पर है। इसमें दलीप सिंह रोबोट सीमा रीतू नीना रामदेई मीना हरिचँद सतपाल इत्यादि पदाधिकारी मौजूद रहे।
लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल मंजयाट में सिल्वर जोन द्वारा ओलम्पियाड नवम्बर-दिसम्बर 2019 साइंस, गणित व हिंदी विषयों में छठवीं, सातवीं एवं आठवीं कक्षाओं के लिए आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में सभी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें विज्ञान विषय मे छठवीं कक्षा के मोहित वर्मा, सातवीं कक्षा के वंश ठाकुर और आठवीं कक्षा से भूमिका को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह गणित विषय मे छठवीं कक्षा के आदित्य गुप्ता, हिंदी विषय मे छठवीं कक्षा से ही शिवम शर्मा, हिमांशु ठाकुर, सातवीं कक्षा से स्नेहा तथा आठवीं कक्षा से भूमिका को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। विज्ञान विषय मे छठवीं कक्षा से हिमांशु ठाकुर, और आठवीं कक्षा से दामिनी गुप्ता, गणित विषय मे छठवीं कक्षा से सोमेश भार्गव और हिंदी विषय मे छठवीं कक्षा से कर्निका शर्मा, सातवीं कक्षा से शुभम और आठवीं कक्षा की दामिनी गुप्ता को सिल्वर मेडल से सम्मनित किया गया। इसी तरह विज्ञान विषय मे छठवीं कक्षा के भुवनेश्वर, गणित में छठवीं कक्षा से मोहित वर्मा, हिंदी विषय मे छठवीं कक्षा से हिमांशु कश्यप और सातवीं कक्षा से देव ठाकुर को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम गुप्ता द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने विज्ञान की अध्यापिका कमलेश शर्मा, गणित के अध्यापक मनीष व शिवांक व हिंदी विषय की अध्यापिका रंजना एवं मिनाक्षी को भी बधाई दी।
फर्स्ट रेफरल यूनिट अर्की में चिकित्साधिकारी विवेक चौहान ने समस्त स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वायरस के लक्षण व बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह वायरस हवा के द्वारा खाँसने, छिकने व संक्रमित व्यकित व्यकित के द्वारा प्रयोग की गई वस्तु एवम उसके सम्पर्क में आने से फैलता है। इसलिए जरूरी है कि खाँसते या छीकते समय बार बार नाक, मुँह को ना छुए तथा रुमाल का प्रयोग करे। यदि बुखार, खासी, गले मे दर्द हो तो तुरंत चिकित्सक से मिले। संक्रमित व्यकित मास्क का प्रयोग करे तथा घर पर आराम करें। यदि घर का कोई व्यकित किसी देश से यात्रा कर के आया हो तो उसे चौदह दिन तक अलग कमरे में रहना चाहिए ताकि उसे यदि संक्रमण हो तो वह अन्य परिजनों को न फैले। इस अवसर पर चमन लाल शर्मा स्वास्थ्य पर्यवेक्षक व अश्वनी शर्मा स्वास्थ्य शिक्षक उपस्थित रहे।
बाघल प्रेस क्लब अर्की की बैठक विश्राम गृह में क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्लब समाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर लोगों को कोरोना वायरस के बारे में जागरूक करेगा। क्लब के सदस्यों ने इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को भी सहोयग देगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि 22 मार्च को अर्जुन खेल मैदान शालाघाट में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसमें 4 टीमें भाग लेगी। इसका जिम्मा कल्ब की टीम के कप्तान योगेश शर्मा को दिया गया तथा मैच में भाग लेने वाले इच्छुक सदस्य 20 मार्च तक कप्तान के पास अपने नाम दर्ज करवाए। बैठक में उपमंडल स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को लैपटाप दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्लब के सदस्य मई माह में भ्रमण पर जाएंगे। इसके अलावा बैठक में कई अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में सचिव अजय गुप्ता, योगेश शर्मा, योगेश चौहान, राकेश कुमार, नीरज गुप्ता, हरीश कुमार व राकेश अत्री सहित अन्य सदस्यों ने भी भाग लिया।
मां नैना देवी मंदिर चौरन्टू (कुन्हर) में मन्दिर समिति की आम सभा का आयोजन बाबू राम तनवर की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया। आम सभा में पुरानी कार्यकारिणी को भंग करके सर्वसहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें बालक राम वर्मा को अध्यक्ष, विनोद तनवर को महासचिव, कोषाध्यक्ष रमेश तनवर, उपप्रधान रामलाल चौधरी, सहसचिव नरोत्तम राम, लेखाकार सुंदर राम, मुख्य सलाहकार किरपा राम को बनाया गया। समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष बालक राम वर्मा ने कहा कि सदस्यों ने मुझे जो जिम्मेवारी दी है उसका वह ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह सभी को साथ लेकर माँ नैना देवी मंदिर के जीर्णोद्धार व विकास कार्य करवाने में तत्पर रहेंगे।
शेड्स सी एच एम सोलन संस्थान के छात्र आर्यन शर्मा का चयन न्यूज़ीलैंड के होटल हिल्टन ऑकलैंड के लिए प्रशिक्षु के तौर पर किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान आर्यन को होटल ने मासिक वेतन डेढ़ लाख प्लस पर्क के साथ नियुक्त किया है। आर्यन मूल तौर पर जिला सोलन के अर्की का निवासी है। संस्थान प्रबंधन ने आर्यन की इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी है साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कुनिहार की प्राचीन शिव ताण्डव गुफा में रविवार 15 मार्च से दो दिवसीय अखण्ड श्री राम चरित मानस कथा का शुभारम्भ गुफा विकास समिति व शम्भू परिवार के सौजन्य से किया जाएगा। गुफा विकास समिति अध्यक्ष राम रतन तनवर, उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर व सचिव गोपाल कृष्ण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिनों तक इस अखण्ड कथा पाठ को गुफा परिसर में क्षेत्र की सुख शांति व समृद्धि के लिए किया जाएगा। जेष्ठ सोमवार 16 मार्च को दोपहर साढ़े 12 बजे हवन व पूर्णाहुति के साथ कथा को विराम दिया जाएगा। इसके उपरान्त दोपहर 1 बजे से विशाल भण्डारे का आयोजन सभी क्षेत्र वासियों के लिए किया जाएगा जिसमे अनेक लजीज व्यंजन भक्तों को परोसे जाएंगे। यह भण्डारा रात 8 बजे तक रहेगा। गुफा विकास समिति व शम्भू परिवार ने समस्त कुनिहार जनपद, आसपास की समस्त जनता व शिव भक्तों से अनुरोध किया है कि गुफा में सपरिवार आकर प्राकृतिक शिव के दर्शन कर भोले का आशीर्वाद लेकर भण्डारे का प्रसाद ग्रहण करें।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना वायरस को डब्ल्यूएचओ ने इसे महामारी घोषित किया है। केंद्र सरकार ने इसको लेकर समय समय पर एडवाजरी भी जारी की गई है जिसका पालन किया जा रहा है। पड़ोसी राज्यों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में स्कूलों को बंद किया गया है।हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी बड़ी गेदरिंग, जनसभाओं और मेलों पर प्रतिबंध लगाया है। हिमाचल प्रदेश के लोगों खासकर अभिभावकों की तरफ से कई सुझाव सरकार के पास आए हैं जिसको देखते हुए सरकार ने 31 मार्च तक प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थानों को बंद करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही बैठकें, कार्यशालाओं, सिनेमाघरों को 31 मार्च तक बंद करने का आदेश भी जारी कर दिए हैं।
उपायुक्त कार्यालय सोलन के वाहनों के नकारा टायरों तथा अतिरिक्त पुर्जों के विक्रय के लिए खुली नीलामी 07 अप्रैल, 2020 को उपायुक्त कार्यालय के प्रांगण में प्रातः 11.00 बजे निर्धारित की गई है। यह जानकारी सहायक आयुक्त एवं जिला रेडक्रॉस समिति के सचिव भानु गुप्ता ने दी। भानु गुप्ता ने कहा कि इच्छुक बोलीदाता को निर्धारित तिथि व समय पर बोली में भाग लेना होगा। प्रत्येक बोलीदाता को 1000 रुपए की धरोहर राशि जमा करवानी होगी। उन्होंने कहा कि नकारा वस्तुओं का अवलोकन किसी भी कार्य दिवस पर प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 मार्च, 2020 को मुरम्मत कार्य के दृष्टिगत 33/11 केवी ओच्छघाट विद्युत उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। इसके कारण इस उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों नौणी, ओच्छघाट, दोलांजी, टटूल, जटोली, धारों की धार व इसके आसपास के क्षेत्रों में 15 मार्च को दोपहर 12.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल 17 मार्च, 2020 को सोलन के प्रवास पर रहेंगे। डॉ. सैजल 17 मार्च, 2020 को प्रातः 11.00 बजे कसौली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विश्राम गृह धर्मपुर में खंड विकास अधिकारियों तथा नालागढ़ क्षेत्र के विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में कोरोना वायरस के संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारियों, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल ने की। डॉ. उप्पल ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव ही सर्वोत्तम उपाय है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कम से कम 20 सैकिंड तक साबुन व पानी से अपने हाथ अच्छी तरह से धोएं। साबुन व पानी उपलब्ध न होने पर एल्कोहल आधारित हैंड सेनेटाइजर का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि बिना धुले हाथों से आंख, नाक और मुंह को न छुएं। खांसते और छींकते समय मुंह व नाक ढक लें। उन्होंने कहा कि बुखार, खांसी, सिरदर्द, नाक से पानी बहना तथा सांस लेने में तकलीफ होने की स्थिति में तुरंत समीप के स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल में संपर्क करें। उन्होंने कहा कि आपस में हाथ न मिलाकर नमस्ते से ही अभिवादन करें। खांसते व छींकते समय अपनी कोहनी की तरफ मुंह करें व कभी सामने वाले की तरफ मुंह करके नहीं खांसे। भीड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करें। खांसी या जुकाम हो तो नजदीक के स्वास्थ्य संस्थान में संपर्क करें। कार्यशाला में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों का आह्वान किया कि इस बीमारी से भयभीत न हो और आम जनता को भी इससे भयभीत न होने के लिए जागरूक करें। उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया कि इस बीमारी के संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाहों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 को महामारी के रूप में घोषित कर दिया गया है और महामारी अधिनियम के अंतर्गत यदि कोई भी व्यक्ति रोग की रोकथाम के संबंध में जारी निर्देशों का पालन नहीं करता है तो उसे सज़ा का भी प्रावधान है। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अजय सिंह ने कहा कि चीन, जापान, हांगकांग, सिंगापुर, थाईलैंड, दक्षिणी कोरिया, जर्मनी, फ्रांस, मलेशिया, वियतनाम, इंडोनेशिया, इटली, ईरान, नेपाल व स्पेन से जो भी व्यक्ति यात्रा करके आया है तो उसको 14 दिन तक अपने घर के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है। बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ हो तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को संपर्क करना होगा। इसके लिए निःशुल्क दूरभाष नंबर 104 पर किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के गांव बागा विकास सुधार सभा की बैठक कुनिहार ब्लॉक समिति के सदस्य एवं दाड़लाघाट ग्राम पंचायत सुधार सभा के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। सभा के महासचिव प्रेम केशव ने बताया कि इस बैठक में ग्राम पंचायत द्वारा 14वें व 15वें वित्तायोग द्वारा किए जाने वाले कार्यों तथा अन्य विकासात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। इस बैठक में ग्रामवासियों व महिलाओं ने भी भाग लिया। बैठक में पंचायत द्वारा करवाए जा रहे कार्यों में पीने के पानी का टैंक, गांव में रास्ते व नालियों, सड़क मरम्मत, छोटे छोटे बच्चों के लिए पार्क तथा श्मशानघाट तक रास्ते का निर्माण करने के बारे में चर्चा हुई। उपरोक्त कार्यों के रखरखाव हेतु गांव की कमेटी में हेतराम ठाकुर, लोकराम, हीरा लाल ठाकुर, ठाकुरु राम, महेंद्र ठाकुर, हरि सिंह ठाकुर व प्रेम केशव को मनोनीत किया गया।उपरोक्त सदस्यों की देखरेख में ही उपरोक्त कार्यों को कार्यान्वित किया जाएगा। ग्राम विकास सुधार सभा द्वारा सदस्यों के गठन की जानकारी ग्राम पंचायत दाड़लाघाट को भी दे दी गई है। इस मौके पर बागा विकास सुधार सभा के सभी सदस्य मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश पुलिस पेंशनर्ज वैल्फेयर एसोसिएशन कुनिहार की त्रैमासिक बैठक 15 मार्च को कुनिहार पँचायत के विश्राम गृह तालाब पर आयोजित की जाएगी। एसोसिएशन के प्रधान धनीराम तनवर ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए सभी पुलिस पेंशनर्ज से बैठक में पहुंचने की अपील की है। बैठक 15 मार्च को सुबह ठीक 11 बजे आरम्भ होगी। उन्होंने कहा कि बैठक में पेंशनरों की समस्याओं के बारे में विचार विमर्श किया जाएगा व 5 वर्षो से चली आ रही पेंशनरों की मांगों पर सरकार को चेताया जाएगा।
कुनिहार से वाया पटाबरावरी सोलन मार्ग की शिमला मार्ग से पावर हाउस जाबल जमरोट तक 2 किमी सड़क मार्ग की हालत काफी लंबे समय से बद से बदतर बनी हुई है। इस मार्ग पर कुनिहार से सोलन व सोलन से कुनिहार के लिए सैंकड़ों छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिदिन रहती है। लेकिन इस 2 किमी सड़क की खस्ता हालत से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। काफी लंबे समय से जाबल जमरोट, पटाबारावरी व हरिपुर पँचायतो के लोग इस 2 किमी मार्ग को पूर्व व वर्तमान सरकारों से पक्का करने की गुहार लगा चुके है। पर कोई भी सरकार इसे पक्का कर लोगो की समस्या हल नही कर सकी। पँचायत के लोगो का कहना है कि यह सड़क पहले 30 वर्षो से विद्युत बोर्ड़ के अधीन थी और इस सड़क को 2016 में पूर्व की सरकार ने लोक निर्माण विभाग के अधीन लाया और पूर्व की सरकार ने इस सड़क को पक्का करने के लिए बजट में डाल दिया था। लेकिन अभी तक वर्तमान सरकार के 3 वर्ष बीत जाने पर भी इस 2 किमी सड़क को पक्का नही किया गया है। बरसात में तो ये सड़क तलाब का रूप ले लेती है। पँचायतो के लोगो ने सरकार से मांग की है कि लम्बे समय से चली आ रही लोगो की इस समस्या को प्रथमिकता के आधार पर हल किया जाए। जाबल जमरोट पँचायत के प्रधान गोबिन्द सिंह पूर्व प्रधान मनहोहर लाल ,गगन, कृष्णलाल परिहार पट्टा बरावरी पँचायत प्रधान प्रोमिला कोशल उपप्रधान राकेश कौंडल, पूर्व प्रधान सुख राम हरिपुर पंचायत के पूर्व उपप्रधान नयाज महोमहद, शिव युवा क्लब हरिपुर के प्रधान उमेश कुमार पँचायत समिति सदस्य डीडी कशयप आदि ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग उपमण्डल कसौली तथा सहायक अभियंता लोक निर्माण सबडिवीजन सुबाथू से भी अपील की है कि इस मार्ग को शिघ्र अति शिघ्र पक्का किया जाए ताकि लोगो को इस समस्या से निजात मिल सके।
वीरवार को हुई भारी बारिश व आंधी तूफान के कारण कुनिहार व आसपास के क्षेत्रों में जन जीवन अस्तव्यस्त रहा। लगभग 4 बजे के करीब आंधी तूफान व बारिश आरम्भ हुई यह आंधी तूफान इतना जबरदस्त था कि क्षेत्र में जगह जगह बड़े बड़े पेड़ गिर गए जिस कारण विद्युत आपूर्ति भी कई घण्टे बाधित रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुनिहार पुराना बस अड्डे के समीप शिमला रोड पर विशालकाय सफेदे के पेड़ से एक बड़ी टहनी नीचे से गुजरती विद्युत की मेन लाईन पर गिरकर नीचे खड़े ट्रक पर गिरी पर गनीमत रही की उस वक्त विद्युत सप्लाई बंद थी नही तो यहाँ कोई बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्ष दर्शी दुकानदार हरजिंदर ठाकुर ने बताया कि इन बड़े पेड़ो को काटने की कई बार विभाग को दरख्वास्त कर चुके है पर लगता है कि विभाग कोई बड़े हादसे के इंतजार में है। इसके अलावा अन्य कई जगहों पर भी पेड़ गिरने के समाचार प्राप्त हुए है। इस आंधी तूफान के कारण लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।
गांव सेर जेरी में जलागम परियोजना पाटी बड़ोग के द्वारा अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन दाडलाघाट के सहयोग से सोलर ड्रायर लगाया गया। इस सोलर ड्रायर से अनारदाना, सभी प्रकार की सब्जियां, फल आदि को सुखाया जा सकता है। इस दौरान प्रधान जलागम परियोजना पाटी बड़ोग अनिल कुमार ने इसे एक एतिहासिक कदम बताया। उन्होंने बताया कि खासकर किसानो को इसका बहुत लाभ होगा और लोगों का रुझान अच्छा रहा तो भविष्य में जलागम परियोजना पाटी बड़ोग के अन्य गांवों में भी इस तरह के प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे, ताकि किसानो की आय को बढाया जा सके। गांव सेर जेरी में इस सोलर डायर लगाने से लोगों की आजीविका में वृधि होगी तथा अच्छी किस्म के सूखे हए प्रोडक्ट भी नजदीकी बाज़ार में मिलेंगे। गांव सेर जेरी में सोलर ड्रायर लगाने पर प्रधान जलागम परियोजना पाटी बड़ोग अनिल कुमार, ग्राम विकास समिति सेर जेरी प्रधान सुलोचना देवी तथा सभी ग्राम वासियों ने प्रोग्राम मैनेजर अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन दाडलाघाट भूपेन्द्र गाँधी का विशेष रूप से धन्यवाद किया तथा आशा जताई की भविष्य में अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन दाडलाघाट की ओर से अन्य कार्य गांव में करवाए जाएगे। इस मोके पर जलागम परियोजना पाटी बड़ोग प्रधान अनिल कुमार, ग्राम विकास समिति सेर जेरी प्रधान सुलोचना देवी, मीना, लक्ष्मी देवी, अंकुश कॅवर, रमेश चंद, अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन दाडलाघाट से अमर चंद, प्रदीप मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश विद्युत परिषद सेवानिवृत्त वेलफेयर एसोसिएशन दाड़लाघाट व नम्होल यूनिट की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनिट के प्रधान सुखराम नड्डा ने की। बैठक में महासचिव प्रेम केशव द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुरानी मांगों बारे, जिसमें मेडिकल भत्ते को ₹1000 के साथ 65, 70, 75 वर्ष पूरे करने के उपरांत 5,10,15% भत्ते को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बेसिक पे में मर्ज करने का आग्रह प्रदेश सरकार से किया गया। इस दौरान बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों को 5% महंगाई भत्ते के बारे में प्रदेश विद्युत बोर्ड प्रबंधन से जारी करने का आग्रह किया गया तथा उन सभी करुणा मूल से संबंध रखने वालों को रोजगार मुहैया कराने बारे सरकार से आग्रह किया गया। इस अवसर पर सुखराम, सुरजीत ठाकुर, प्रेम केशव, जगन्नाथ शर्मा, अशोक शर्मा, परसराम, भक्त राम चौधरी, सीमा देवी, जगतपाल ठाकुर, बद्रीनाथ ठाकुर, बाबू राम, ग्यारु राम, रंजीत ठाकुर, तुलसीराम, प्रेम ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
ग्याणा में बाघल विकास परिषद् की एक आम बैठक बुलाई गई। बैठक में अंबुजा सीमेंट कंपनी के खनन क्षेत्र की पांच पंचायतों के शिक्षित बेरोजगारों ने भाग लिया। बाघल विकास परिषद के प्रधान परसराम पिंकू ने बताया कि इस बैठक में ग्याणा, चंडी, कशलोग, संघोई व मांगू पंचायतों के लोग भी शामिल हुए। इस बैठक में विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई, जिसमे कि नव गठित दि माइनिंग एरियाज लैंड लूजर्स ट्रांसपोर्ट कोऑपरेटिव सोसायटी ग्याणा को लैंड के आधार पर ट्रांसपोर्ट का कार्य आबंटित किया जाए। 6000 बीघा भूमि अधिग्रहण के आधार पर आबंटन हो और वर्ष 1992 में जो करार अंबुजा सीमेंट और सरकार के बीच लिखित समझौते हुए हैं उनको पूरी तरह से निष्पक्ष रूप से लागू किया जाए।बैठक में माइनिंग एरियाज के बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नियमित रोज़गार दिया जाए। इस दौरान बैठक में नंदलाल चौहान को दि माइनिंग एरियाज लैंड लूजर्स ट्रांसपोर्ट कोऑपरेटिव सोसायटी का कानूनी सलाहकार नियुक्त किया गया। इस मौके पर काफी संख्या में बाघल विकास परिषद् के सदस्य मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन विभाग सोलन द्वारा निर्वाचन के संबंध में मतदाताओं की सहायता के लिए मतदाता सहायता केन्द्रों की स्थापना की गई है। यह मतदाता सहायता केंद्र सामान्य कार्यदिवस पर प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक आम लोगों की सुविधा के लिए उपलब्ध रहेंगे। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सोलन केसी चमन ने दी। केसी चमन ने कहा कि मतदाता सहायता केंद्र उपमंडल निर्वाचन कार्यालय अर्की, नालागढ़ तथा सोलन में स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सहायता केंद्र में उपस्थित अधिकारी तथा कर्मचारी आम लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करने, नामों में संशोधन करने, बूथ स्तर के अधिकारियों संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने तथा मतदाताओं को मतदान केंद्रों बारे जानकारी प्रदान करेंगे। मतदाता सहायता केंद्र पर टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार की सहायता, शिकायत या सुझाव के लिए मतदाता सहायता केंद्र या टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला रेडक्रॉस समिति की वर्ष 2020-21 की कार्ययोजना के संबंध में बैठक आयोजित। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रास समिति सोलन केसी चमन ने जिला रेडक्रॉस समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में रेडक्रॉस समिति की वर्ष 2020-21 की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में ड्रग फ्री हिमाचल, वरिष्ठ नागिरकों की सहायता, महिला एवं शिशु देखभाल, रीड हिमाचल, फिट हिमाचल-फिट इंडिया, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया। केसी चमन ने कहा कि ड्रग फ्री हिमाचल कार्यक्रम के तहत जिला रेडक्रॉस समिति द्वारा सामुदायिक स्वयंसेवी तैयार किए जाएंगे जो अभिभावकों, अध्यापकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा चुने हुए प्रतिनिधियों की सहायता से स्थानीय स्तर पर युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि यह समूह जिले में नशे से जुड़ी हर स्थिति पर नजर रखेंगे तथा नियमित तौर पर नशे के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए गतिविधियां आयोजित करेंगे। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विभागों को आगामी वर्ष के लिए जिला में बनाए जाने वाले समूहों की संख्या का विवरण 15 मार्च, 2020 तक उपायुक्त कार्यालय को प्रेषित करना होगा। मई 2020 तक यह समूह गठित हो जाने चाहिए तथा जून माह में इन समूहों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता कार्यक्रम के तहत आगामी वित्त वर्ष में वरिष्ठ नागरिकों के मूलभूत परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से चिकित्सा जांच, 80 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धों के लिए घरद्वार पर चिकित्सा जांच सुविधा तथा उनका फोलोअप करना शामिल है। इस कार्यक्रम के सफल कार्यान्वयन के लिए उपमंडल वार स्वास्थ्य विभाग को स्वयंसेवियों का विवरण प्रस्तुत करना होगा। केसी चमन ने कहा कि महिला एवं शिशु देखभाल कार्यक्रम के तहत महिला एवं बच्चों में खून की कमी तथा बच्चों की स्वच्छता तथा महिलाओं में स्तन व सर्वाइकल कैंसर के प्रति महिलाओं को जागरूक करने पर भी कार्ययोजना के संबंध में रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को इस संबंध में कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगे। उपायुक्त ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को निर्देश दिए कि जिला के विभिन्न शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों में चल रहे सामुदायिक पुस्तकालय का विवरण 15 मार्च तक उपलब्ध करवाएं। उन्होंने जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी को निर्देश दिए कि फिट हिमाचल-फिट इंडिया के तहत जिले में गठित फिटनेस समूहों का विवरण प्रस्तुत करें तथा विभिन्न खेल गतिविधयों का कैलेंडर निर्धारित करें। केसी चमन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त हिमाचल अभियान, जल संरक्षण, विद्यालयों में किचन गार्डन आधारित प्राकृतिक खेती गतिविधियों के अंतर्गत कार्य करेंगे। उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों के निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों के संबंध में कार्य योजना का विवरण 15 मार्च, 2020 तक प्रस्तुत करें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चंदेल, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी एनके शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजन उप्पल सहित समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।
प्रदेश की हाईटेक नगर परिषद बद्दी ने वर्ष 2020-21 का आय व व्यय बजट पेश किया। नगर परिषद बद्दी के चेयरमैन नरेंद्र दीपा ने नप के बजट पिटारे से 29 करोड़ की आय व 24 करोड़ रूपये के व्यय बजट को प्रस्तुत किया। बजट प्रस्तुत करने के बाद नप चेयरमैन नरेंद्र दीपा ने कहा कि नगर परिषद बद्दी का जल्द से जल्द कायाकल्प होगा। नरेंद्र दीपा ने कहा कि वर्ष 2020-21 के बजट में जो विकास मॉडल नप ने सुनिश्चित किया है वह तेजी से रफ्तार पकड़ेगा और लोगों को समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। बजट पेश करने के साथ साथ नगर परिषद की मासिक बैठक में 62 भवनों के नक्शे पास किए गए। इसके अलावा नगर परिषद ने हाऊसिंग बोर्ड फेस 1-2-3 के सभी पार्कों के जीर्णोधार को भी हरी झंडी दे दी। चेयरमैन नरेंद्र दीपा ने बताया कि हाऊसिंग बोर्ड के सभी पार्कों का कायाकल्प किया जाएगा। पार्कों की दशा में सुधार करने के साथ साथ पार्कों में लोगों के बैठने के लिए बैंच लगाने के साथ साथ कुछेक पार्कों में ओपन जिम में खोले जाएंगे। नरेंद्र दीपा ने बताया कि हाऊसिंग बोर्ड की सभी मुख्य सडक़ों व लिंक रोड़ों की जल्द से जल्द मरम्मत की जाएगी जिसके लिए कुछेक टैंडर लगा दिए गए हैं और कुछ टैंडर लगाए जा रहे हैं। नप चेयरमैन ने बताया कि नप ने वर्ष 2020-21 के लिए 29 करोड़ 43 लाख 80 हजार रूपये का आय बजट पेश किया है, जिसमें विभिन्न स्त्रोतों के माध्यम से नप को आय प्राप्त होगी। जबकि नगर परिषद बद्दी के विकास के लिए 24 करोड़ 53 लाख 10 हजार रूपये का व्यय बजट प्रस्तुत किया गया है। व्यय बजट में वेतन, पेंशन व अन्य भत्ते, पार्कों का रखरखाब व पौधारोपण, पार्किंग व स्ट्रीट वाईंडर जोन, स्ट्रीट लाईटों के रखरखाब, खेलकूद गतिविधियों, सीवरेज व जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण, सफाई व्यवस्था, सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालय, स्लाटर हाऊस का निर्माण व रखरखाब, जल प्रबंधन व हैंडपंप, गौशला प्रबंधन समेत अन्य विकासात्मक कार्यों पर 24 करोड़ से अधिक का बजट खर्च किया जाएगा। बजट बैठक में नप के 9 वार्डों के पार्षदों ने अपने अपने वार्डों की समस्याओं को रखा। पार्षदों ने वर्ष 2020-21 के बजट को विकासात्मक बजट करार देते हुए कहा कि जल्द ही नगर परिषद के सभी 9 वार्डों में विकास कार्य रफ्तार पकड़ेंगे और नप बद्दी का कायाकल्प होगा। बैठक में नगर परिषद बद्दी के चेयरमैन नरेंद्र कुमार दीपा, नप उपाध्यक्ष सुषमा कुंडलस, निर्मला देवी, मोनिका कौशल, बंत सिंह चौधरी, संदीप सचदेवा, माया देवी, चौधरी मदन लाल, सतवीर कौर, मनोनीत पार्षद तरसेम चौधरी, हरनेक ठाकुर, मोहिंद्र सिंह, लोकेश दत्ता, ईओ रणवीर सिंह वर्मा, जेई कांत जेई, अस्सिटेंट खेम चंद वर्मा उपस्थित रहे। नगर परिषद चेयरमैन नरेंद्र दीपा ने कहा कि बजट में चर्चा के बाद ही बजट को पास किया गया। नप में कांग्रेस हमेशा विकास में सहयोग देने की बजाए अडंग़े डालने का ही काम करती है। नप ने जो विकास बजट पेश किया है इससे नगर परिषद बद्दी पूरे प्रदेश में एक आदर्श परिषद बनकर उभरेगी। बजट में सभी वर्गों के विकास और उत्थान को ध्यान में रखकर बजट प्रस्तुत किया गया है। नप में बिना चर्चा के पास कर दिया बजट : चौधरी मदन लाल नगर परिषद बद्दी के पूर्व चेयरमैन चौधरी मदन लाल ने आरोप लगाया कि नगर परिषद की बजट बैठक में बिना किसी चर्चा को बजट को पास कर दिया गया। मदन लाल ने कहा कि बजट में सीनियर सिटीजनों के लिए कोई प्रावधान नहीं है। न ही बजट में नये पार्कों के निर्माण लिए कोई प्रावधान नहीं रखा। चौधरी ने कहा कि स्ट्रीट लाईटों, पानी की निकासी, सडक़ों व गलियों के निर्माण को कम बजट दिया गया। इसके अलावा युवाओं को खेल सुविधा और ग्राऊंडस के लिए बजट का प्रावधान नहीं किया गया। पूर्व चेयरमैन चौधरी मदन लाल ने नप में भाजपा द्वारा पेश किए गए बजट को नकारा बजट करार दिया।
होली एक ऐसा प्रेम और मिलाप का त्यौहार है जो हर वर्ग और हर जगह के लोगों को गिले शिकवे, मनमुटाव भुलाकर गले मिलने को अपनी ओर आकर्षित करता है। ऐसा ही नजारा दाड़लाघाट में भी देखने को मिला है। यहां समाज के प्रत्येक वर्ग ने मंगलवार को होली उत्सव धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने सारे गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे को खूब गुलाल लगाया। कहीं, डीजे तो कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज पर लोग थिरकते नजर आए। इस दौरान दाड़लाघाट में लोगों, दुकानदारों ने होली के रंग उड़ा कर खूब मस्ती की। सभी ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। नन्हे बच्चों ने भी प्रेम और मिलन के इस त्यौहार में खूब आनंद लिया। इसी के साथ उपमंडल के नवगांव, धुन्दन, दाड़लामोड़, पारनु, कंसवाला, कराडाघाट व आसपास के लोगों ने होली धूम धाम से मनाई। ग्रामीणों ने ढोलक के साथ टोलियां निकाल कर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। दाड़लाघाट व आस पास के गांव में कुछ जगहों पर सोमवार को ही होली मना ली गई जबकि कुछ जगहों पर मंगलवार को रंगों का त्यौहार मनाया गया। लोग अपने घरों से निकलकर अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के घर गए और होली की मुबारकबाद देकर सभी को गले लगाया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत दाड़ला के पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, नरेंद्र सिंह चौधरी, तनुज शुक्ला, दुकानदार दीपक गजपति, अमरदीप, राज, बॉबी, मुकेश, नितीश, रितिक, राकेश, पवन ठाकुर, शुभम, सुधीर व बच्चो में निशांत, दीक्षा, महक, मोहित, दीपिका, नेहा, कमल, उर्वशी, सिद्धांत, तरुण, सपना, निशा, गीतांजलि व दाड़लाघाट के लोगो ने होली बड़ी धूम धाम से मनाई।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन के विद्युत उपमंडल-1 द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में उन उपभोक्ताओं के विद्युत कुनैक्शन काट दिए जाएंगे, जिन्होंने फरवरी, 2020 में बिजली के बिल जमा नहीं करवाए हैं। यह जानकारी प्रदेश विद्युत बोर्ड निगम लिमिटिड के सहायक अभियंता विदुर ने दी। उन्होंने कहा कि काटे जाने वाले कुनैक्शन की कुल संख्या 343 है। उपभोक्ताओं द्वारा जमा न करवाई गई कुल राशि 4,256,416 रुपये है। इनमें 166 घरेलू उपभोक्ता हैं। इनकी कुल राशि 1,512,616 रुपये है। 158 व्यवसायिक उपभोक्ताओं की कुल राशि 1,113,952 रुपये है। अन्य 19 उपभोक्ताओं की राशि 1,629,848 रुपये है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने बिल 24 मार्च, 2020 तक जमा करवा दें। बिल जमा करवाने के लिए एक काउंटर सेर चिराग (जौणाजी) में लगाया जाएगा तथा दूसरा काउंटर ब्रूरी में स्थापित किया जाएगा। उपभोक्ता अपने बिल पेटीएम, गूगल पे, अमेजॉन, भीम ऐप, फोन पे के माध्यम से अथवा वैबसाईट www.hpsebl.in पर भी जमा करवा सकते हैं। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया वे अपने बिजली तुरंत जमा करवा दें ताकि विद्युत आपूर्ति यथावत रहे।
दाड़लाघाट से बाडुबाड़ा देव की यात्रा 16 मार्च को प्रारम्भ होगी। यह यात्रा होली उत्सव के आसपास के दिनों में मार्च महीने में शुरू होती है और बाडुबाड़ा देव का डेढ़ महीने का प्रवास लोगों के घरों में उनकी मन्नतें पूर्ण करने हेतु देवजात्रा के रूप में होता है। यह देव यात्रा अप्रैल तक रहेगी तथा यात्रा के दौरान यह देव सोलन, शिमला सहित बिलासपुर में अपनी जात्रा पूर्व नियोजित कार्यक्रम अनुसार करेंगे। इस देवता की पूजा अर्की सहित सोलन जिला के कई क्षेत्रों में प्रमुख रूप से पूजा जाता है। इस देवता का प्रमुख मूल स्थान माँगल के मन्झयाटल धार के पूर्वी किनारे की ऊंची चोटी पर स्थित है जबकि इसकी अन्य पूजाएं और रथ अर्की के दाड़लाघाट और मंडी सुकेत के नालनी बटवाड़ा तथा अन्य क्षेत्रों में स्थापित है। यह रथ चक्रधारी देव है और फाल्गुन मास के पश्चात वैशाख तक इस देव की जात्रा का आयोजन किया जाता है। एक किंवदंती के अनुसार बाडुबाड़ा देव सुकेत के निर्माता पराक्रमी वीरसेन है जिन्होंने 8वी सदी में सुकेत की भी स्थापना की थी इसकी राजधानी पांगणा मंडी में थी इस वीर योद्धा ने चंबा सुकेत कल्लु,मंडी क्षेत्रों को जीता था हिस्ट्री ऑफ हिल स्टेट शिमला बाघल हुचीसन के अनुसार इस योद्धा ने कई किले जीते थे जिसमें श्रीगड़, नारायणगढ़, रघुपुर, जज माधोपुर बगा कोट, मनाली, चन्जयला, रायसन आदि है। इन किलों के स्वामी इनके अधीन हुए तथा अनेक लोक देवों के रूप में प्रतिष्ठित हुए वीरसेन के गीत घर घर गाये जाते है। माँगल क्षेत्र के पार सतलुज की तलहटी बाडु में इसका ऐतिहासिक मन्दिर होने के कारण ही इसे बाडु बाड़ा का नाम दिया गया। बाडुबाड़ा देव कमेटी के प्रधान हेतराम तथा सचिव श्याम चौधरी ने बताया कि यहां दाड़लाघाट में इसका आम भव्य मंदिर बनाया गया है,हर वर्ष मार्च में इसकी यात्रा शुरू होकर शिमला, सोलन, अर्की, बिलासपुर से होकर लोगो की जो मन्नत होती है उनके घरों में जाकर यह उन्हें आशीर्वाद देते है और मन्नते पूरी करते हैं। स्थानीय ओर बाहरी लोगों में इस देव के प्रति अपार श्रद्धा देखी जा सकती है। बाड़ू बाड़ा देव का मूल स्थान मंडी है और सक्रांति के दिन दाड़लाघाट में इसके देव स्थल पर लोगो का हुजूम अपनी श्रद्धा और मनोकामना की पूर्ति होते देख इस देव स्थल में अपनी आस्था के प्रति नतमस्तक दिखते है। उन्होंने कहा कि जब देव जात्रएं सम्पन्न हो जाती हैं तो देवता का रथ अपने स्थान पर आ जाता है और उसी रोज से मंदिर में भगवद् कथा का आयोजन किया जाता है।
सोलन जिला से सुरेंद्र वर्मा को प्रदेश सचिव कांग्रेस सेवादल, रमेश ठाकुर को प्रदेश संयुक्त को ऑर्डिनेटर कम्युनिकेशन तथा संजय ठाकुर को कांग्रेस सेवादल जिला सोलन का जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर अनिल गुप्ता, ऋषि देव शर्मा, अमरचंद पाल, सतीश कश्यप, जगदीश ठाकुर,अनुज गुप्ता, मदन गर्ग, कुलदीप सूद, प्यारेलाल शर्मा, जयप्रकाश, संजय ठाकुर, मुकेश, हीरा सिंह कालिया, नागेश,मंसाराम, हीरालाल, हेमराज, हीरा कौंडल, सोहन कौंडल, दीप राम, विजय राम, बेगी राम, लच्छीराम, अशोक मेहता, अनिल तंवर, सुमित शर्मा, भूपेंद्र शर्मा, उपेंद्र वर्मा, तुलसीराम शर्मा, जय शर्मा, कृष्ण चंद, कमल कौंडल, पवन ठाकुर, वेद प्रकाश शुक्ला, संत राम कौंडल, रामपाल, तिलक शर्मा, प्रेम भगत, बालक राम ठाकुर, नीलम भारद्वाज, धर्मपाल, राकेश वर्मा, नरेश शर्मा, सुरेश शर्मा, नथुराम चौहान, श्यामलाल, दीपलाल चौहान, कृष्णा चौहान, हीरु राम, महेंद्र गुप्ता, उर्मिला ठाकुर, निर्मला देवी, प्रदीप शर्मा, विजय गुप्ता, चाणक्य व्यास, नानक चंद, दीपक गुप्ता, पवन वर्मा, संतराम, शेखर शर्मा, नरेंद्र, धर्मेंद्र, दिलीप, नीरजा शर्मा, राकेश ठाकुर, दुर्गा दत्त शर्मा, राजेंद्र रावत, रवि कांत पाठक सहित अन्य ने लालजी देसाई राष्ट्रीय अध्यक्ष, अनुराग शर्मा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल, कुलदीप राठौर प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी हिमाचल प्रदेश, पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक अर्की निर्वाचन क्षेत्र वीरभद्र सिंह, कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का इन नियुक्तियों के लिए आभार प्रकट किया है।
श्री सत्य साईं सेवा समिति कुनिहार एवं सोलन के संयुक्त तत्वाधान में ग्राम पंचायत बुघार कनेता के बुघार घाट गुरु का झंडा के पावन प्रांगण में स्वर्गीय देवी राम वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय कृष्णावती की मधुर स्मृति में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन शनिवार 14 मार्च 2020 को प्रातः 11:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा हैl इस शिविर में सोलन शहर के जाने-माने विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे l इस शिविर में सामान्य जांच एवं उचित परामर्श के उपरांत मुफ्त दवाइयां वितरित की जाएगी। श्री सत्य साईं सेवा समिति कुनिहार के संयोजक देवदत्त ने शिविर की जानकारी देते हुए समस्त जन समुदाय को इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में आकर स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने का आहवान किया है। सेवा समिति के सदस्य हीरा दत शर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान नारायण सेवा के रूप में भण्डारे का आयोजन भी समिति द्वारा किया जाएगा।
अर्की पुलिस थाना में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर गांव नेरी देवड़ा डा ओखरू निवासी सुखराम जोकि हिना वैष्णों भोजनालय के नाम से शालाघाट में ढाबा चलाता है के पास से 24 बोतलें संतरा मार्का देसी शराब की बरामद हुई। उक्त व्यक्ति ने उसी भवन में जिसमें वह ढाबा चलाता है की तीसरा मंजिल पर अपनी रिहायश रखी हुई है। पुलिस को सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति अपने कमरे में शराब रख कर लोगों को बेचता है। जब उसके कमरे की तलाशी ली गई तो दरवाजे के पास दो गत्ते की पेटियां पाई गईं। जब इन पेटियों को खोल कर देखा गया तो अंदर संतरा मार्का देसी शराब की 24 बोतलें मिलीं। पुलिस के मांगने पर यह व्यक्ति इस शराब के संबंध में कोई भी परमिट या लाईसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। डीएसपी प्रताप सिंह ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उपमंडल अर्की की नगर पंचायत में रंगो का त्योहार होली हर जगह बहुत ही खुशी से मनाया गया। लोगों ने एक दूसरे को रंग लगा कर और गले मिलकर एक दूसरे को होली महोत्सव की बधाई दी। वहीं होली के गीतों की धुनों में नाच गाने के साथ अपनी अपनी खुशी जाहिर की। होली वसंत ऋतु के आगमन के रूप में मनाया जाने वाला हिंदु राष्ट्रों का एक महत्वपूर्ण भारतीय त्यौहार है। यह पर्व हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। होली रंगों, हँसी-खुशी का त्योहार है जोकि आज विश्वभर में मनाया जाने लगा है। इस पर्व का विशेष महत्व है। होली को सदभाव व प्रेम का त्योहार माना जाता है। सभी अपने आपसी द्वेष भुलाकर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हैं और उन्हें अबीर-गुलाल लगाकर अपने प्रेम को जाहिर करते हैं। होली में हर रंग का भी अपना विशेष महत्व होता है। होली के दिन प्रयोग किए जाने वाले हर एक रंग का धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व है।
हिमाचल संस्कृत अकादमी के पूर्व सचिव डॉ मस्तराम शर्मा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दाड़लाघाट में नया बस स्टैंड बनाने हेतु बजट में प्रावधान करने के लिए हार्दिक आभार तथा स्वागत किया है। डॉ मस्तराम ने कहा कि दाड़ला की जनसंख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है यहां बस स्टैंड का होना नितांत आवश्यक था। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने लोगों की इस चिर मांग को पूरा किया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि दाड़लाघाट में सीवरेज व्यवस्था को भी सुचारू रूप से चलाया जाना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि दाड़लाघाट अब नए शहर के रूप में उभर रहा है। उन्होंने सरकार से दाड़ला महाविद्यालय के लिए भी शीघ्र से शीघ्र अधिक से अधिक बजट का प्रावधान करने की गुजारिश की क्योंकि दाडलाघाट के छात्रों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है ताकि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं निजी भवन से लाभान्वित हो सकें।
हिमाचल प्रदेश विद्युत परिषद सेवानिवृत्त वेलफेयर एसोसिएशन दाड़लाघाट व नम्होल यूनिट की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनिट के प्रधान सुखराम नड्डा ने की। बैठक में महासचिव प्रेम केशव द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुरानी मांगों बारे, जिसमें मेडिकल भत्ते को ₹1000 के साथ 65, 70, 75 वर्ष पूरे करने के उपरांत 5, 10, 15% भत्ते को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बेसिक पे में मर्ज करने का आग्रह प्रदेश सरकार से किया गया। इस दौरान बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों को 5% महंगाई भत्ते के बारे में प्रदेश विद्युत बोर्ड प्रबंधन से जारी करने का आग्रह किया गया तथा उन सभी करुणा मूल से संबंध रखने वालों को रोजगार मुहैया कराने बारे सरकार से आग्रह किया गया। इस अवसर पर सुखराम, सुरजीत ठाकुर, प्रेम केशव, जगन्नाथ शर्मा, अशोक शर्मा, परसराम, भक्त राम चौधरी, सीमा देवी, जगतपाल ठाकुर, बद्रीनाथ ठाकुर, बाबू राम, ग्यारु राम, रंजीत ठाकुर, तुलसीराम, प्रेम ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
पंचायत समिति कुनिहार में तकनीकी सहायकों के दो रिक्त पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को 25 मार्च, 2020 तक मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पंचायत समिति कुनिहार के कार्यालय में आवेदन करना होगा। यह जानकारी पंचायत समिति कुनिहार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने दी। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए इच्छुक उम्मीदवार मान्यता प्राप्त संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री अथवा डिप्लोमा होल्डर होना चाहिए। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार खंड विकास अधिकारी कुनिहार के कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।


















































