**धर्माणी को टेक्निकल, वोकेशनल एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग विभाग **यादवेंदर गोमा को आयुष और खेल विभाग हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त 2 मंत्रियों को आज पोर्टफोलियो अलॉट कर दिए गए हैं। बिलासपुर जिले से संबंध रखने वाले राजेश धर्माणी को टेक्निकल एजुकेशन, वोकेशनल एंड इंडस्ट्रियल एजुकेशन दिया गया है, जबकि कांगड़ा जिले से संबंध रखने वाले यादवेंदर गोमा को आयुष और खेल विभाग दिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इंडस्ट्री मिनिस्टर हर्षवर्धन चौहान से आयुष विभाग, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से खेल विभाग और शिक्षा मंत्री रोहित शर्मा से तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग लेकर नए मंत्रियों को सौंपा है।
-सीपीएस ने कोहू स्कूल के वार्षिक समारोह को किया संबोधित मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार इस वित्त वर्ष में शिक्षा क्षेत्र में 8828 करोड़ रुपये व्यय कर रही है। संजय अवस्थी आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय कोहू में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि शिक्षा और संस्कार के सामंजस्य से ही युवा परिपक्व बनते हैं। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि अपने संस्कारों और रीति रिवाजों को अपनाएं और अपने अध्यापकों से प्रश्न पूछने में न घबराएं। उन्होंने कहा कि ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रश्नों के रूप में भी शोध किया जाता है। संजय अवस्थी ने राजकीय उच्च विद्यालय कोहू के खेल मैदान में सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए एक लाख, राजकीय उच्च विद्यालय कोहू में अतिरिक्त दो कमरो के निर्माण के लिए 3 लाख रुपए, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोहू में अतिरिक्त एक कमरे के निर्माण के लिए एक लाख रुपए तथा स्कूल में बैडमिंटन कोर्ट निर्माण के लिए 50 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल के छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मुख्य संसदीय सचिव ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2100 तथा आयोजन समिति को 21 हजार देेने की घोषणा भी की।
-मंत्री ने 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत ओयली एवं मशीवर में सुनी समस्याएं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के संतुलित विकास के साथ हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाना प्रदेश सरकार का उद्देश्य है और इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही योजनाएं आशातीत परिणाम ला रही हैं। डॉ. शांडिल आज सोलन ज़िला की ग्राम पंचायत सेर बनेड़ा के गांव ओयली तथा ग्राम पंचायत मशीवर में 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत जन समस्याओं का निराकरण कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि गांव की समस्याओं को नजदीक से देखने व उनके समाधान के लिए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आरंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम मील का पत्थर सिद्ध होगा। स्वास्थ्य मंत्री ने ओयली में खेल मैदान के निर्माण के लिए 2 लाख, गांव ओयली में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 1.50 लाख, महिला मंडल ओयली को बर्तन इत्यादि क्रय करने के लिए 25 हजार रुपये तथा महिला मंडल बस्सी ओयली को 25 हजार प्रदान करने की घोषणा की। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
बैतूल में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 31 दिसंबर से 5 जनवरी तक किया गया। इस प्रतियोगिता में 42 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 2000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। एसवीएन स्कूल कुनिहार के छात्र परमजीत इस प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र खिलाड़ी बने। स्कूल अध्यक्ष टीसी गर्ग ने बताया कि परमजीत पहले भी राज्य स्तरीय स्तरीय कई प्रतियोगिताओं में भाग ले चुका है और अपने क्षेत्र और स्कूल का नाम रोशन कर चुका है। उन्होंने परमजीत को बधाई देते हुए उसके उज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि स्कूल हमेशा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित करता आया है और भविष्य में भी करता रहेगा। पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी स्कूल हमेशा सफल रहता है। स्कूल प्रधानाचार्य पदम नभम ने परमजीत और उसके अभिभावकों को बधाई दी और बताया कि स्कूल प्रबंधन हमेशा हर एक बच्चे के हुनर की सराहना करता है और यह भी ध्यान में रखता है कि ऐसी प्रतिस्पर्धा में हमेशा हर एक बच्चा बढ़-चढ़कर भाग ले।
राष्ट्रीय हिंदू संगठन कार्यकाल कुनिहार द्वारा प्रधानमंत्री को जिलाधिकारी सोलन हिमाचल प्रदेश के माध्यम से 22 जनवरी को अयोध्या में राम राज्याभिषेक दिवस के रूप में राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने हेतु जिलाध्यक्ष सुभाष शर्मा राष्ट्रीय हिंदू संगठन की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने सब तहसीलदार कुनिहार को एक ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष सुभाष शर्मा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी से 22 जनवरी को होने वाले भगवान श्री राम के बाल स्वरूप के प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन से देश में होने वाले भव्य उत्सव के माहौल को देखकर ऐसा लगता है कि भारत वर्ष एक बार पुन: त्रेता युग में प्रवेश कर रहा है।इस दिन से जुड़ी लोगों की देश भावना से प्रत्येक सनातनी मोदी से राम राज्याभिषेक दिवस को युगों युगों तक याद रखने के लिए इस दिन को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग करता है।
-लाइव वायरस-बैक्टीरिया का शोध करना होगा आसान -कुछ ही समय में नए वायरस और बैक्टीरिया का भी लगेगा पता केंद्रीय अनुसंधान संस्थान (सीआरआई) कसौली में अब लाइव वायरस और बैक्टीरिया का अनुसंधान करना आसान होगा। इसके लिए सीआरआई कसौली में बायो सेफ्टी लेवल तीन (बीएसएल-थ्री) प्रयोगशाला स्थापित की जा रही है। प्रयोगशाला के स्थापित होने के बाद यहां पर वैज्ञानिकों को अनुसंधान की सुविधा भी मिलेगी। वहीं नए वायरस और बैक्टीरिया का भी कुछ ही समय में पता लग सकेगा। नए वायरस और बैक्टीरिया का पता चलने के बाद दवाओं का उत्पादन करना भी आसान हो जाएगा। सबसे खास बात यह होगी कि लाइव सैंपलों को आसानी से प्रयोगशाला में रखा जाएगा और बारीकी से उसकी जांच भी की जा सकेगी। वहीं इसमें होने वाले म्यूटेशन का भी आसानी से पता लगेगा। अभी तक किसी भी वायरस और बैक्टीरिया की जांच दिल्ली या अन्य लैबों में होती है। इसके बाद दवाओं को लेकर अनुसंधान शुरू होता है। लेकिन बीएसएल-थ्री लैब के स्थापित होने के बाद भविष्य में आने वाले खतरनाक वायरस का सीआरआई भी पता लगा सकेगा। गौर रहे कि केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली देश और विदेश में नए आयाम स्थापित कर रहा है। लोगों के लिए जीवन रक्षक वैक्सीन और एंटी सीरम तैयार की जा रही है। अब यहां पर बीएसएल-3 लैब को स्थापित कर वायरस और बैक्टीरिया का भी पता लगाया जाएगा। इस लैब का शिलान्यास 2 जनवरी को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की ओर से किया गया था। लैब के लिए केंद्र सरकार और स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने बीते वर्ष मंजूरी दी थी। इसके बाद कार्य शुरू हुआ और अब यह लैब जल्द बनकर तैयार हो जाएगी। संस्थान के सहायक निदेशक एवं जन संपर्क अधिकारी डॉ. यशवंत कुमार ने बताया कि बीएसएल-थ्री लैब संस्थान में जल्द बनकर तैयार होगी।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) ने 5 जनवरी को नई दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में व्यवसाय में पारदर्शिता और सहयोग के प्रति कंपनी के समर्पण को रेखाकिंत करते हुए व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की। इस कार्यक्रम में कंपनी के प्रतिष्ठित व्यवस्थापक और निवेशक उपस्थित हुए। बैठक में टीएचडीसीआईएल के द्वारा प्रतिबद्धता जाहिर की गई कि कंपनी 12 जनवरी को कॉरपोरेट बॉन्ड सीरीज-IX जारी करने जा रही है। निदेशक (वित्त) जे. बेहेरा की अगुवाई में उनकी टीम ने कंपनी के भावी विकास पथ पर सक्रिय रूप से चर्चा की। टीएचडीसीआईएल ने एक व्यापक प्रस्तुतिकरण दिया, जिसमें कंपनी के विकास की संभावनाओं, इसकी वित्तीय स्थिति और चल रही परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। यह बैठक सार्थक संवाद को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगी। यह इस बात को सुनिश्चित करने में मदद करेगी कि व्यवस्थापकों और निवेशकों को कंपनी की रणनीतिक दिशा के बारे में अच्छी प्रकार से जानकारी है। बैठक का मुख्य आकर्षण जे. बेहेरा के नेतृत्व में की गई व्यापक चर्चा थी, जिसमें उन्होंने विस्तार से रणनीतियों और क्रेडिट रेटिंग पर की गई पूछताछ का उत्तर दिया। बैठक में विचारों के आपसी आदान-प्रदान से कंपनी के व्यवसाय और वित्तीय रणनीतियों के बारे में हितधारकों को संसूचित और आश्वस्त करना था जो कि टीएचडीसीआईएल की प्रतिबद्धता दर्शाता है। परियोजनाओं की सन्निकट कमीशनिंग एक प्रमुख कारक के रूप में उभरी है, जिससे कंपनी की क्रेडिट रेटिंग में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है। यह टीएचडीसीआईएल की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और निवेशकों को बेहतर मूल्य प्रदान करने के लिए टीएचडीसीआईएल के समर्पण पर जोर देती है। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हितधारकों को रणनीतियों के विस्तार, क्रेडिट रेटिंग और परियोजनाओं की सन्निकट कमीशनिंग आदि के बारे में संसुचित करना, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। विकास की संभावनाओं और वित्तीय मामलों के अतिरिक्त, उपस्थित लोगों को सूचित किया गया कि टीएचडीसीआईएल के द्वारा कॉरपोरेट बॉन्ड सीरीज-9 के लिए 12 जनवरी को बिडिंग निर्धारित की गई है। यह बैठक इस बात का प्रतीक है कि टीएचडीसीआईएल उत्पादन में आपसी विचार-विमर्श को बढ़ावा देने, वित्तीय दृष्टिकोण पर स्पष्टता प्रदान करने और हितधारकों के साथ खुला संचार एवं संपर्क बनाए रखने के प्रति समर्पित है। टीएचडीसीआईएल 1587 मेगावाट की संस्थापित क्षमता के साथ देश के प्रमुख बिजली उत्पादकों में से एक है, जिसका श्रेय इसकी प्रचालनाधीन परियोजनाओं को जाता है जिनमें उत्तराखंड में टिहरी बांध और एचपीपी (1000 मेगावाट), कोटेश्वर एचईपी (400 मेगावाट), गुजरात के पाटन और द्वारका में क्रमश: 50 मेगावाट और 63 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजनाएं और उत्तर प्रदेश के झांसी में 24 मेगावाट की ढुकवां लघु जल विद्युत परियोजना तथा केरल के कासरगोड में 50 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि टीएचडीसीआईएल की अमेलिया कोयला खदान का वाणिज्यिक संचालन निर्धारित समय से छह महीने पहले शुरू हो गया है जो एक विशेष उपलब्धि है। यह उपलब्धि देश की अग्रणी बिजली कंपनियों में से एक के साथ बने विश्वास और साझेदारी को रेखांकित करती है। निकट भविष्य में 1320 मेगावाट खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्लांट (केएसटीपीपी) की प्रथम यूनिट (660 मेगावाट) और 1000 मेगावाट टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) की प्रथम यूनिट (250 मेगावाट) के चालू होने के साथ, टीएचडीसीआईएल उपलब्धियों को बढ़ाने, ऊर्जा क्षेत्र में अपनी स्थिति को और मजबूत करने के लिए तैयार है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि जन-जन की समस्याओं का उनके घर-द्वार के समीप समाधान और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को देने के उद्देश्य से आज से 'सरकार आपके द्वारÓ कार्यक्रम आरंभ किया गया है। डॉ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौणी और शमरोड़ में 'सरकार आपके द्वार कार्यक्रमÓ के तहत लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने लोक निर्माण, जल शक्ति, ज़िला ग्रामीण विकास अभिकरण विभाग, विद्युत बोर्ड, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों से सम्बन्धित समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके उचित निपटारे के निर्देश दिए। डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत नौणी में 8 लाख रुपए की लागत से निर्मित ग्राम सभा भवन का लोकार्पण भी किया। स्वास्थ्य मंत्री ने ग्राम पंचायत नौणी के अनुसूचित जाति बहुल गांव रंगाह में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 5 लाख रुपए तथा पंचायत परिसर नौणी के निर्माण के लिए 5 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत शमरोड़ में सामुदायिक केन्द्र भवन के निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने स्थानीय मेला मैदान की मुरम्मत के लिए 1.50 लाख रुपए तथा महिला मण्डल धर्जा को फर्नीचर इत्यादि की खरीद के लिए 25 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की।
-कहा, हिमाचल के लोगों की देव संस्कृति में गहरी आस्था -प्रदेश की प्राचीन संस्कृति का प्रतीक है यह महायज्ञ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज जिला शिमला के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के गवास में 36 वर्षों के बाद आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय शांत महायज्ञ में शामिल हुए और देवता गुडारू जी महाराज के मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख और समृद्धि की कामना की। क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 36 वर्षों बाद यह महायज्ञ धूमधाम के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। क्षेत्रवासियों को शांत महायज्ञ की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों की देव संस्कृति में गहरी आस्था है, इसीलिए हिमाचल प्रदेश को देवभूमि कहा जाता है। यह महायज्ञ हिमाचल प्रदेश की प्राचीन संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सभी निवासियों की देवी-देवताओं में गहरी आस्था तथा सभी को अपनी पुरातन संस्कृति पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी से इस प्राचीन संस्कृति को सहेज कर रखने की अपील की। शांत महायज्ञ में क्षेत्र के हजारों लोग पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। साथ ही रोहड़ू और जुब्बल क्षेत्र के सात देवता और 13 खूूंद शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा ने भी क्षेत्रवासियों को महायज्ञ की बधाई दी और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का रोहड़ू पहुंचने पर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी कर्नल कुलदीप सिंह बांशटू तथा रितेश कपरेट, उपायुक्त आदित्य नेगी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-सीपीएस ने पकोटी स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को किया संबोधित मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) ने कहा कि छात्रों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अपनी परंपराओं, रिति-रिवाजों और संस्कृति की जानकारी होना आवश्यक है। संजय अवस्थी आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पकोटी के राजकीय उच्च विद्यालय में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि अपनी परम्पराओं, रिति-रिवाजों और संस्कृति की जानकारी सबसे पहले छात्र अपने घर से प्राप्त करते हैं इसलिए यह आवश्यक है कि अभिभावक अपने बच्चों को परंपराओं, रिति-रिवाजों और संस्कृति की जानकारी दें। उन्होंने स्कूल में खेल मैदान के निर्माण के लिए औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत एक लाख तथा स्कूल में रास्ता व मंच निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने राजीव गांधी सेवा केंद्र की सुरक्षा दीवार लगाने के लिए एक लाख रुपए तथा ग्राम पंचायत संघोई में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए एक लाख की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल के छात्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2100 रुपये तथा आयोजक समिति को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया और आशा जताई कि सभी विद्यार्थी भविष्य में इससे बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और इनके शीघ्र निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत संघोई के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 28 हजार रुपए का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान किया। अंशदान के लिए मुख्य संसदीय सचिव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
-एक वर्ष में राज्य में स्थापित किए 102 स्वचालित मिल्क कलेक्शन यूनिट -दूध का खरीद मूल्य 6 रुपये बढ़ाने की मुख्यमंत्री ने की है घोषणा पशु पालन और दुग्ध उत्पादन गतिविधियां प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन का अभिन्न अंग हैं। प्रदेश में ये रोजगार का साधन और महिला सशक्तिकरण की संभावनाओं वाला क्षेत्र है। डेयरी क्षेत्र को विस्तार प्रदान कर प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर हिमाचल को देश का समृद्ध राज्य बनाने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुग्ध उत्पादकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से दूध का खरीद मूल्य 6 रुपये बढ़ाने की घोषणा की है। यह निर्णय दुग्ध उत्पादकों की खुशहाली और समृद्धि की दिशा में सहायक सिद्ध होगा। दुग्ध उत्पादकों की आर्थिकी सुदृढ़ करने और दुग्ध उत्पादन में पारदर्शिता लाने के लिए हिमाचल प्रदेश दुग्ध प्रसंघ ने इस वर्ष राज्य में 102 स्वचालित मिल्क कलेक्शन यूनिट (एएमसीयू) में स्थापित किए हैं। प्रदेश में 455 स्वचालित मिल्क कलेक्शन यूनिट कार्यशील हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं के अन्तर्गत अब तक 106 बल्क मिल्क कूलर लगाए जा चुके हैं। दूध की गुणवत्ता में सुधार के लिए सोसायटी स्तर पर राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत 35 केन मीटर कूलर प्रदान किए गए हैं। 500 करोड़ की श्वेत क्रांति की शुरुआत प्रदेश सरकार राज्य में सहकार को बढ़ावा प्रदान कर ग्रामीणों की उन्नति के द्वार खोल रही है। डेयरी क्षेत्र के विकास में सहकार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सरकार द्वारा ग्रामीण स्तर पर समितियों को संगठित किया जा रहा है। वर्तमान में इन समितियों की संख्या बढ़कर 1,107 हो गई है। प्रदेश में श्वेत क्रांति की शुरुआत कर प्रदेश सरकार ने 500 करोड़ रुपये के बजटीय प्रावधान से महत्वाकांक्षी हिम गंगा योजना आरंभ की है। योजना के तहत प्रथम चरण में लोगों को जागरूक करने के लिए समितियां गठित की गई हैं। जिला हमीरपुर और कांगड़ा में 201 नई दुग्ध सहकारी सोसायटियों का गठन किया गया है। जिला हमीरपुर में 11 महिला सोसायटियां और जिला कांगड़ा में 8 महिला सोसायटियां गठित की गई हैं जो प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के प्रयासों को इंगित करती हैं। हमीरपुर जिला में 4 सोसायटियों को पुनर्गठित किया गया है। इन दुग्ध सहकारी सोसायटियों के माध्यम से 4064 किसानों को जोड़ा गया है। कांगड़ा के डगवार में 250 करोड़ का दूध प्रसंस्करण संयंत्र डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए इस योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों का गठन किया जा रहा है। डेयरी फार्मिंग से जुड़े किसानों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिला कांगड़ा के डगवार में 250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पूर्ण रूप से स्वचालित दूध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के प्रथम चरण में 180 करोड़ रुपये के निवेश से संयंत्र का निर्माण किया जाएगा। इस संयंत्र के स्थापित होने से दही, लस्सी, मक्खन, घी, पनीर, स्वादिष्ट दूध, खोया और मोजेरेला पनीर सहित विभिन्न प्रकार के डेयरी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त करने के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र कुपोषण जैसी समस्याओं के समाधान में भी सहायक सिद्ध हो रहा है। हिमाचल प्रदेश दुग्ध प्रसंघ ने महिला एवं बाल कल्याण विभाग के लिए पंजीरी तैयार करने की गतिविधियों में विविधता लाई है। दुग्ध प्रसंघ द्वारा फोर्टीफाइड पंजीरी, फोर्टीफाइड बेकरी बिस्कुट, फोर्टीफाइड गेहूं सेवियां और होल मिल्क पाऊडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। सरकार की यह पहल प्रदेश के नौनिहालों के स्वस्थ्य और खुशहाल भविष्य की नींव रख रही है।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के शोधकर्ताओं द्वारा हिमाचल प्रदेश में फल मक्खियों के लिए किए गए सर्वेक्षण अध्ययन के दौरान दो नई फल मक्खी (टेफ्रिटिडे) प्रजातियां पाई गईं है। मनीष पाल सिंह के डॉक्टरेट अनुसंधान, जो विश्वविद्यालय के कीट विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ दिवेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में काम कर रहे थे, के शोध कार्य के दौरान यह प्रजातियां पाई गई। यूनाइटेड किंगडम स्थित फल मक्खी वर्गीकरण विशेषज्ञ डॉ डेविड लॉरेंस हैनकॉक के लक्षण वर्णन और परामर्श के बाद, प्रजातियों को दुनिया के लिए नया घोषित किया गया। इन प्रजाति का नाम बैक्ट्रॉसेरा प्रभाकरी और टेफ्राइटिस हिमालयी रखा गया। डॉ. मनीष पाल सिंह ने अपने डॉक्टरेट शोध के दौरान, इन नई प्रजातियों का वर्णन किया है। बी. प्रभाकरी मुख्य रूप से मध्य पहाड़ियों- सोलन और शिमला जिलों के कुछ हिस्सों में यह एक औषधीय पौधे, जिसे आमतौर पर डच एग प्लांट कहा जाता है, को संक्रमित करती है। वहीं टी. हिमालयी राज्य की ऊंची और मध्य पहाड़ियों में पाई जाती है, जो सर्कियम फाल्कोनेरी नामक एक कांटेदार खरपतवार पर प्रजनन करती हैं। अन्य उत्तर भारतीय राज्यों की तुलना में राज्य में फल मक्खियों की अधिक विविधता मौजूद है, जैसा कि मनीष द्वारा किए गए शोध कार्य के निष्कर्षों से पता चला है। इस शोध के निष्कर्ष 'ज़ूटाक्सा' जर्नल के नवंबर और दिसंबर अंक में प्रकाशित हुए हैं, जो न्यूजीलैंड से प्रकाशित होता है। फ्रूट फ्लाई के नमूनों को संदर्भ रिकॉर्ड के लिए सोलन में भारतीय प्राणी सर्वेक्षण के उच्च क्षेत्रीय केंद्र में जमा किया गया है। इन नई प्रजातियों के अलावा डैकस फ्लेचरी और उरोफोरा टेरेब्रान भी भारत में पहली बार हिमाचल प्रदेश से रिकॉर्ड किए गए। समूह के रूप में फल मक्खियां अंतर्राष्ट्रीय महत्व और संगरोध महत्व के कीट हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज यहां सोलन विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति के लिए आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। डॉ. शांडिल ने क्षेत्र में विभिन्न विभागों के माध्यम से किए जा रहे सभी विकास कार्यों में तेजी लाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों के लिए राशि प्राप्त हो चुकी है का कार्य 31 मार्च तक पूरा करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बजट की मांग शीघ्र भेजना सुनिश्चित करें, ताकि कार्य समयबद्ध पूर्ण हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोलन विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण कर कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित बनाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास लोगों को उनके घर-द्वार तक सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि विकास कार्यों को समय पर पूर्ण करने के लिए इन्हें एक अभियान के रूप में कार्यान्वित करें। उन्होंने कहा कि समय पर विकास कार्य पूर्ण होना लक्षित वर्गों के लिए लाभदायक है। इस दिशा में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समयबद्धता और विभिन्न विभागों में आपसी समन्वय आवश्यक है। नगर निगम सोलन के आयुक्त ज़फ़र इकबाल ने अवगत करवाया कि सोलन शहर के बाई-पास पर रेहड़ी-फड़ी मार्केट बनकर तैयार है। यहां 50 से अधिक दुकानें पात्र लाभार्थियों को आबंटित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि ठोडो मैदान के समीप लगभग 2.50 करोड़ रुपए की लागत से लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग बनाने की योजना तैयार की गई है। वनमंडलाधिकारी सोलन कुनाल अंगीरस ने अवगत करवाया कि विभिन्न विकास कार्यों के लिए वन विभाग द्वार 12 अनापति प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल ने अवगत करवाया कि सोलन के कथेड़ में लगभग 100 करोड़ की लागत से बहुउद्देशीय अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोलन जिला के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 50-अर्की, 51-नालागढ़, 52-दून, 53-सोलन (अजा) तथा 54-कसौली (अजा) की फोटोयुक्त मतदाता सूचियां-2024 का अंतिम रूप से प्रकाशन 5 जनवरी को कर दिया गया है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्र में अब कुल 415709 मतदाता हैं। फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम रूप से प्रकाशन विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के अंतर्गत प्रथम जनवरी की अर्हता तिथि के अनुसार किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान सूचियों के प्रारूप प्रकाशन के समय जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में 211030 पुरुष व 200249 महिला एवं 8 अन्य मतदाता थे। प्रारूप प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या 411287 थी। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के अंतर्गत 8285 नए मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए। 4188 मतदाताओं के नाम मृत्यु अथवा स्थान परिवर्तन या दोहरे पंजीकरण इत्यादि के कारण मतदाता सूचियों से हटाए गए। उन्होंने कहा कि नए सम्मिलित 8285 मतदाताओं में से 3747 मतदाता 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के हैं। यह सभी पहली बार मतदाता बने हैं। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 में कुल 4422 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। मनमोहन शर्मा ने कहा कि सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्र में अब कुल 415709 मतदाता हैं। इनमें 213054 पुरुष, 202648 महिला तथा 7 अन्य मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि जिला के 50-अर्की विधानसभा में सबसे अधिक 96122 मतदाता हैं। 54-कसौली (अजा) निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 68795 मतदाता हैं।
-सीपीएस ने बुघार स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में की शिरकत -70 लाख से निर्मित स्कूल के अतिरिक्त भवन का किया लोकार्पण मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार सौर ऊर्जा के माध्यम से राज्य की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है। संजय अवस्थी आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुघार में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुघार के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल को प्रकृति ने अनेक सौगातें उपहार में दी हैं। इनमें से सौर ऊर्जा भी एक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सौर ऊर्जा के उपयोग के अंतर्गत लोग अपनी खाली भूमि में सौर ऊर्जा इकाई स्थापित कर बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेरोज़गार युवाओं के लिए यह योजना वरदार सिद्ध होगी। इस योजना के तहत 3 बीघा भूमि पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार 50 प्रतिशत अनुदान देगी। मुख्य संसदीय सचिव ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया। स्कूल के शौचालय के निर्माण के लिए 03 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। उन्होंने विद्यालय में अतिरिक्त कमरे बनाने के लिए बजट का प्रावधान करने का आश्वासन दिया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2100 तथा आयोजन समिति को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की।
मैसर्ज पनेशिया बायोटेक बद्दी में 5 पद तथा मैसर्ज बीआरडी मैडिलैब यूनिट-2 में 8 पदों की भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू 9 जनवरी को ज़िला रोजगार कार्यालय सोलन में प्रात: 10.30 बजे आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि उक्त पदों की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक विभागीय पोर्टल EEMIs पर लॉगइन कर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के लिए उम्मीदवारों को EEMIs पर candidate Login Tab के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत अपनी Registration Profile पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते है। उन्होंने कहा कि आवेदक का नाम रोज़गार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। अधिकारी ने कहा कि उपरोक्त पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू जिला रोजगार कार्यालय सोलन में 9 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से आयोजित किए जाएंगे। उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-227242 तथा मोबाइल नंबर 78768-26291 व 70189-18595 पर संपर्क कर सकते हैं।
पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन हिमाचल प्रदेश के प्रधान धनीराम तंनवर एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्य दिप राम ठाकुर, नागेंद्र ठाकुर, रतिराम शर्मा, पतराम पंवर,बिना देबी, आशा राणा, पुष्पा सूद,स्यामलाल ठाकुर, श्यामलाल भाटिया, जसबीर सिंह, सतपाल शर्मा, निर्मल ठाकुर, संतराम चंदेल, नेकीराम, वेद प्रकाश ठाकुर इत्यादि ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि पुलिस पेंशनर्स के वेेतन की बकाया राशि व 12 प्रतिशत डीए सहित कई भत्ते देय हैं, जबकि प्रदेश मुख्यमंत्री मीडिया में बयान दे रहें कि यह राशि दो साल के अंदर देने की कोशिश की जाएगी, लेकिन पुलिस पेंशनर तो 75, 80 और 85 की आयु में अपने अंतिम पड़ाव में बैठे हैं व गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं क्या वे दो साल तक जीवित रहेंगे। सरकार द्वारा 2 साल तक उनके वित्तीय लाभ देने तक तो सैकड़ों पेंशनर भगवान को प्यारे हो जाएंगे। इसलिए संगठन सरकार को 15 दिन का समय देकर आग्रह करती है कि वह 15 दिन में सभी वित्तीय लाभ देने के आदेश करें, अन्यथा इसके बाद एसोसिएशन माननीय प्रदेश हाई कोर्ट में याचिका दायर करने को मजबूर होगी।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने 2400 मेगावाट टेहरी पावर कॉम्प्लेक्स को चालू करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। 1000 मेगावाट के टेहरी पीएसपी की 250 मेगावाट की पहली इकाई के बटरफ्लाई वाल्व (बीएफवी) को सफलतापूर्वक 4 जनवरी को लॉन्च किया गया था। यह उपलब्धि भारत के सबसे बड़े 2400 मेगावाट हाइड्रो पावर कॉम्प्लेक्स के लिए पूर्ण परिचालन क्षमता प्राप्त करने में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतिनिधित्व करती है, जिसमें 1000 मेगावाट टेहरी एचपीपी और 400 मेगावाट कोटेश्वर एचईपी पहले से ही सफल संचालन में हैं। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक आर. विश्नोई ने टिहरी पीएसपी टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की है। यह उपलब्धि टीएचडीसी को टिहरी पीएसपी को चालू करने के करीब ले गई है, जो 2030 तक 500 गीगावॉट से अधिक गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता को एकीकृत करने के भारत सरकार के दृष्टिकोण और शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने की देश की प्रतिबद्धता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस पीएसपी के चालू होने के बाद, 2400 मेगावाट की कुल क्षमता के साथ भारत में सबसे बड़ा, टिहरी पावर कॉम्प्लेक्स पूरे सप्ताह 24 घंटे किफायती बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के देश के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को साकार करने में आधारशिला के रूप में उभरने के लिए तैयार है, जिससे इसमें महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। राष्ट्र के विकास इंजन को ईंधन देना ेहरी पंप स्टोरेज परियोजना कार्बन फुटप्रिंट को कम करने के व्यापक राष्ट्रीय उद्देश्य के अनुरूप, टिकाऊ और पर्यावरण के प्रति जागरूक ऊर्जा समाधानों के प्रति कंपनी के समर्पण का एक प्रमाण है। यह उपलब्धि ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी प्रगति के लिए टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जो देश को एक ऐतिहासिक वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट के करीब लाती है। जैसे-जैसे परियोजना आगे बढ़ रही है, टीएचडीसीआईएल उत्कृष्टता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए समर्पित है।
-परवाणू से सोलन तक जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत -शिमला के पीटरहॉफ में होगा अभिनंदन समारोह -भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज हिमाचल के सोलन पहुंचे। उनका पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। नड्डा का परवाणू से सोलन तक जगह-जगह स्वागत हुआ। इसके बाद सोलन मालरोड पर आईटीआई गेट से पुराने बस अड्डे तक जेपी नड्डा का रोड शो हुआ। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। रोड शो में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी मौजूद रहे। सोलन के बाद नड्डा का शिमला के पीटरहॉफ में अभिनंदन समारोह होगा। इसके बाद वह भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे। शिमला के पीटरहॉफ में होने जा रहे कार्यक्रम में संगठनात्मक जिला महासू से 3000 कार्यकर्ता और संगठनात्मक जिला शिमला से 2500 कार्यकर्ता भाग लेंगे।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आज कालका-शिमला हाईवे पर बू्ररी में तीन गाड़ियों में जोरदार टक्कर हो गई। यह भिड़ंत सुबह 10.30 के करीब हुई। इनमें से दो गाड़ियों में 3 से 12 साल के 5 से 6 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। गाड़ियों में सवार सभी लोग पंजाब के बताए जा रहे हैं।
यूनाइटेड किंगडम के न्यूकैसल विश्वविद्यालय के एक प्रतिनिधिमंडल ने शूलिनी विश्वविद्यालय का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में प्रोफेसर रिचर्ड डेविस, प्रो-वाइस-चांसलर ग्लोबल एंड सस्टेनेबिलिटी, डॉ. आदित्य शर्मा, यूनिवर्सिटी एकेडमिक लीड फॉर इंडिया और जो गिरी, यूनिवर्सिटी डायरेक्टर फॉर आसियान स्ट्रैटेजिक डेवलपमेंट एंड एंगेजमेंट शामिल थे। उनकी यात्रा का उद्देश्य शूलिनी विश्वविद्यालय के साथ रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देना था, विशेष रूप से स्थिरता से संबंधित सहयोगी अनुसंधान पहल पर ध्यान केंद्रित करना। शूलिनी की प्रतिष्ठित रैंकिंग और अभूतपूर्व शोध से प्रभावित होकर, प्रतिनिधिमंडल ने उपयोगी सहयोग के लिए अनुसंधान के अवसरों के लिए शूलिनी परिसर का दौरा करने का फैसला किया। यात्रा के दौरान चांसलर प्रो. अतुल खोसला ने समग्र कल्याण और अनुसंधान के लिए एक केंद्र की कल्पना करते हुए न्यूकैसल विश्वविद्यालय में योग केंद्र स्थापित करने में गहरी रुचि व्यक्त की। इसके अतिरिक्त, प्रोफेसर अतुल ने दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए संकाय बातचीत, संयुक्त अनुदान और छात्र/संकाय आदान-प्रदान के लिए रास्ते प्रस्तावित किए। संभावित छात्र विनिमय कार्यक्रम, संयुक्त स्नातक, मास्टर और अनुसंधान कार्यक्रमों के लिए एक रूपरेखा और एक अंतराराष्ट्रीय संकाय विनिमय कार्यक्रम की खोज सहित विभिन्न सहयोगी पहल की। प्रतिनिधिमंडल ने न्यूकैसल विश्वविद्यालय में एक योग हैप्पीनेस सेंटर स्थापित करने की अवधारणा भी प्रस्तुत की, जो शिक्षा और कल्याण के लिए समग्र दृष्टिकोण को दर्शाता है। शूलिनी विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप निदेशक डॉ. रोजी धानता ने कहा, दोनों विश्वविद्यालयों ने अनुसंधान क्षमताओं और नवाचार को बढ़ाने के उद्देश्य से यूके रिसर्च इनोवेशन, दिल्ली के साथ संयुक्त वित्त पोषण के अवसरों की भी खोज की। प्रबंधन, बायोटेक और फार्मा विभागों के सहयोग से 2+2 कार्यक्रमों की अवधारणा को भी छात्रों के लिए शैक्षणिक अनुभवों को समृद्ध करने के साधन के रूप में प्रस्तुत किया गया था। चांसलर पीके खोसला ने न्यूकैसल विश्वविद्यालय के सम्मानित अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने शूलिनी विश्वविद्यालय की विश्व स्तरीय प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और उत्कृष्टता के प्रति समग्र प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
-कल से प्रदेश भर में धरना-प्रदर्शन करेंगे कर्मचारी जनवरी माह के 4 दिन बीत जाने के बाद भी बिजली बोर्ड कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है, जिससे बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों का सब्र का बांध टूटता जा रहा है। संघ के प्रदेश महामंत्री नेक राम ठाकुर ने कहा कि इस समय पूरे प्रदेश में तकनीकी कर्मचारी बहुत ही विकट परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। 4 से 5 हजार तकनीकी कर्मचारियों की कमी के बावजूद ये दिन-रात काम कर 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवा रहे हैं। कर्मचारियों ने सरकार व प्रबंधन का 3 दिन तक वेतन अदायगी का इंतजार किया, परंतु अब संघ आंदोलन की ओर आगे बढ़ेगा। 5 जनवरी से प्रदेश भर के तकनीकी कर्मचारी अपने-अपने डिवीजन, सर्किल और चीफ ऑफिस में धरना -प्रदर्शन करेंगे। संघ के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण कपटा ने स्पष्ट किया है कि सरकार उपभोक्ताओं को दी जाने वाली 125 फ्री यूनिट की सब्सिडी बिजली बोर्ड को समय पर दे अन्यथा इस फैसले को वापस ले। कल से बिजली व्यवस्था बाधित होती है तो इसके लिए बोर्ड प्रबंधन जिम्मेदार होगा। धरने के संबंध में नोटिस बोर्ड प्रबंधन को दे दिया गया है। इसके उपरांत प्रदेश पदाधिकारियों की 7 जनवरी को होने वाली बैठक में आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
जिला सोलन के माध्यम से शास्त्री अध्यापक के 31 पदों पर बैचवाइज भर्ती के लिए काउंसलिंग अब 10 जनवरी को उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोलन के कार्यालय में प्रात: 11 बजे होगी। यह जानकारी उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोलन संजीव कुमार ने दी। संजीव कुमार ने कहा कि इन पदों के लिए काउन्सलिंग पहले 17 नवंबर को निर्धारित की गई थी, परंतु प्रारंभिक शिक्षा हिमाचल प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुसार काउंसलिंग पर रोक लगा दी गई थी। उन्होंने कहा कि जिन अभियार्थियों ने 17 नवंबर को काउंसलिंग में भाग लिया था, उन्हें दोबारा काउंसलिंग में भाग लेने की आवश्यक नहीं है। उन्होंने कहा कि 10 जनवरी को आयोजित होने वाली काउंसलिंग में केवल वही उम्मीदवार भाग लें, जिनकी काउंसलिंग अभी तक नहीं हुई है। उप निदेशक ने कहा कि शास्त्री के इन 31 पदों में से 12 पद अनारक्षित, 7 पद अनुसूचित जाति, 1 पद अनुसूचित जनजाति, 4 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 4 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, 1 पद अनुसूचित जाति (बीपीएल), 1 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (बीपीएल) तथा 1 पद अनुसूचित जनजाति (बीपीएल) श्रेणी में से भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतिम वरियता सूची निदेशालय स्तर पर बी.एड के बैच आधार पर तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि चयनित उम्मीदवारों की वरियता एवं उनके द्वारा दी गई प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति के लिए जिला का निर्धारण किया जाएगा। संजीव कुमार ने कहा कि उम्मीदवार अपने गृह ज़िला में ही काउंसलिंग के लिए उपस्थित हो सकते हैं। अन्य जिले का कोई भी उम्मीदवार काउंसलिंग में भाग नहीं ले सकता है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को अपने गृह जिला में ही काउंसलिंग में भाग लेना होगा और अपने गृह ज़िला में ही सभी 12 जिलों की प्राथमिकताएं देनी होगी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार का गृह जिला उसके द्वारा प्रस्तुत हिमाचली प्रमाण पत्र के अनुसार मान्य होगा। उप निदेशक ने कहा कि इस चयन प्रक्रिया में वही उम्मीदवार भाग ले पाएंगे जो भर्ती एवं पदोन्नति नियम तथा अब तक राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद द्वारा जारी अधिसूचनाओं के तहत निर्धारित योग्यता पूर्ण करते हों। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी निदेशालय प्रारंभिक शिक्षा व समस्त जिला के उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
-9 जनवरी को बारिश-बर्फबारी के आसार हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में आगामी 24 घंटों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित मंडी, सोलन, सिरमौर में 5 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। इन मैदानी जिलों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा सहित सोलन, सिरमौर और मंडी के कई क्षेत्रों में कोहरा छाए रहने से ठंड बढ़ गई है। इन क्षेत्रों में नाममात्र के लिए धूप खिली। हालांकि राजधानी शिमला सहित सूबे के ऊंचाई वाले जिलों में बुधवार को मौसम साफ रहने के साथ धूप खिली रही। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 9 जनवरी को बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि दाड़लाघाट में नाबार्ड के अंतर्गत 69 करोड़ रुपए व्यय कर मल निकासी प्रणाली स्थापित की जाएगी। निचली नौणी सड़क निर्माण के लिए 1.30 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय पशु औषधालय से कोटला शिवनगर तक संपर्क सड़क के निर्माण के लिए 2.11 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि नौणी से बागा तक सड़क के लिए 61.46 लाख रुपए स्वीकृत किए गए है। 74 लाख रुपए की लागत से स्यार से कुन-बागी सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने महिल मण्डल बुडमोह तथा महिला मंडल नौणी को एक-एक लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि तकनीक का सदुपयोग करें, ताकि यह उनकी लक्ष्य प्राप्ति में सहायक बन सके। वर्तमान समय में युवा पीढ़ी की निर्भरता स्मार्ट फोन पर अत्याधिक बढ़ रही है। यह उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को हानि पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं के सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन का उपयोग, दुरुपयोग में नहीं बदलना चाहिए। इस दिशा में जहां अभिभावकों और अध्यापकों को युवा पीढ़ी को समझाना होगी वहीं युवाओं को भी स्मार्ट फोन के दुरुपयोग की अपनी प्रवृति पर अंकुश लगाना होगा। उन्होंने कहा कि समय अत्यंत मूल्यवान है और समय का सदुपयोग ही भविष्य को सुरक्षित बना सकता है। उन्होंने अभिभावकों से युवाओं को अधिक समय देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में विज्ञान खण्ड भवन के निर्माण के लिए 17 लाख रुपए का प्रावधान कर दिया गया है। उन्होंने विद्यालय में शौचालय के निर्माण के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में 20 लाख रुपए की लागत से अतिरिक्त भवन का निर्माण कार्य शीघ्र आरम्भ होगा। उन्होंने कहा कि दाड़लाघाट में 14.57 करोड़ रुपए की लागत से शीघ्र ही महाविद्यालय भवन का निर्माण कार्य आरंभ होगा। उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2100 रुपए तथा आयोजित समिति को 21 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।संजय अवस्थी ने विद्यालय के मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया।
बीटेक सीएसई शूलिनी यूनिवर्सिटी के प्रथम वर्ष के छात्र अर्पित ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर (एलपीयू) में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी ताइक्वांडो चैंपियनशिप जीत ली है। कार्यक्रम में अर्पित को प्रथम पुरस्कार और आगामी अखिल भारतीय ताइक्वांडो खेलों में शूलिनी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। हरियाणा के रहने वाले अर्पित न केवल तायक्वोंडो की मार्शल आर्ट में उत्कृष्ट हैं, बल्कि शूलिनी विश्वविद्यालय में मार्शल आर्ट गतिविधियों के लिए छात्र समन्वयक के रूप में भी काम करते हैं। यह दोहरी भूमिका न केवल खेल में उनके कौशल को उजागर करती है, बल्कि विश्वविद्यालय समुदाय के भीतर उनके नेतृत्व पर भी जोर देती है। चांसलर प्रो. पीके खोसला, प्रो. अतुल खोसला, प्रो चांसलर विशाल आनंद, निदेशक नवाचार और शिक्षण आशीष खोसला और डीन छात्र कल्याण पूनम नंदा ने अर्पित की यात्रा का समर्थन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उनकी इस उपलब्धि पर अर्पित को बधाई भी दी। अर्पित ने अखिल भारतीय ताइक्वांडो खेलों में राष्ट्रीय मंच पर शूलिनी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। डीन छात्र कल्याण पूनम नंदा का कहना है कि यह उपलब्धि न केवल शूलिनी विश्वविद्यालय की उपलब्धि में एक और उपलब्धि जोड़ती है, बल्कि प्रतिभा के पोषण और सर्वांगीण उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने के केंद्र के रूप में विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को भी मजबूत करती है।
- 9 तक मौसम साफ रहने के आसार - ठंड बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में आगामी 6 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र्र शिमला के अनुसार सूबे में 9 जनवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। उधर, प्रदेश के मैदानी जिलों में आज सुबह भी घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते इन क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, मंडी और सिरमौर के कई क्षेत्रों में आज सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर ही रही। वहीं, मैदानी जिलों के मुकाबले उच्च और मध्य पर्वतीय जिलों में इन दिनों मौसम साफ है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी पहाड़ी क्षेत्रों में आज धूप खिली है।
हिमाचल सरकार ने संजय कुंडू को डीजीपी के पद से हटाने के बाद वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतवंत अटवाल त्रिवेदी को पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इस बाबत मंगलवार देर शाम को गृह विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गई। सतवंत अटवाल वर्तमान में एडीजी राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पद पर तैनात है। इनके पास एडीजी सीआईडी का अतिरिक्त प्रभार भी है। गौर रहे कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश पर मंगलवार सुबह ही संजय कुंडू को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक पद से हटा दिया था। हाईकोर्ट ने सरकार को ये आदेश इसलिए दिए थे, ताकि कांगड़ा जिले के पालमपुर से संबंध रखने वाले एक कारोबारी की शिकायत से जुड़े मामले की जांच प्रभावित न हो। कारोबारी ने डीजीपी और एसपी कांगड़ा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच चल रही है।
जिला दंडाधिलाकरी सोलन मनमोहन शर्मा ने सोलन जिला में पेट्रोल तथा डीजल की आपूर्ति के संबंध में आवश्यक आदेश जारी किए हैं। यह आदेश आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत जारी हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफा खोरी रोकथाम आदेश, 1977 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार ज़िला सोलन में कार्यरत सभी पेट्रोल पंप ऑपरेटरों को आपात परिस्थिति के दृष्टिगत पेट्रोल और डीजल का न्यूनतम रिजर्व सुनिश्चित रखना होगा। 25 हजार लीटर से अधिक भंडारण क्षमता वाले पेट्रोल पंप पर 3 हजार लीटर डीजल तथा 2 हजार लीटर पेट्रोल का न्यूनतम रिजर्व रखना आवश्यक है। 25 हजार लीटर से कम भण्डारण क्षमता वाले पेट्रोल पंप पर 2 हजार लीटर डीजल तथा एक हजार लीटर पेट्रोल का न्यूनतम रिजर्व रखना आवश्यक है। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी पेट्रोल, डीजल डीलर एक समय में एक वाहन को 10 लीटर से अधिक ईंधन नहीं देगा। इससे अधिक ईंधन प्रदान करने के लिए सम्बन्धित उपमण्डलाधिकारी अथवा ज़िला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक की पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। किसी भी व्यक्ति को वाहन ईंधन टैंक के अतिरिक्त अन्य किसी भण्डारण पात्र में इंधन नहीं दिया जाएगा। इन आदेशों के अनुसार एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, आवश्यक वस्तुएं लेकर जा रहे वाहन, सार्वजनिक परिवहन इत्यादि को प्राथमिकता दी जाएगी।
-सप्लाई नहीं आई तो मच जाएगा हाहाकार -कई जगह ट्रक और बस ऑपरेटर हड़ताल पर हिमाचल प्रदेश में 80 प्रतिशत पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं। शेष पंपों पर भी आज शाम तक का तेल बचा है। इसकी सप्लाई नहीं आई तो तेल के लिए हाहाकार मच जाएगा। प्रदेश में तीन दिन से सप्लाई नहीं आई। शिमला के विकासनगर में पेट्रोल पंप पर गाड़ियों की लंबी लंबी कतारे लगी हैं। डीजल की कमी की वजह से सुंदनरगर में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम डिपो सभी बस रूट बंद कर चुका है। कई जगह ट्रक और निजी बस ऑपरेटर भी हड़ताल पर चले गए हैं। प्रदेश की सीमेंट कंपनियों एसीसी, अंबुजा और अल्ट्राटेक के 10,800 ट्रक ऑपरेटर हड़ताल पर रहे। ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल से सीमेंट की सप्लाई रुक गई है। उधर, सिरमौर और बिलासपुर के ऑपरेटरों ने भी विरोध में उतरते हुए अपनी 450 से अधिक बसें खड़ी कर दी हैं। बिलासपुर में 305 और सिरमौर में 169 बस रूट प्रभावित हुए हैं। सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में भी 500 ट्रकों के पहिए थम गए हैं। देश भर में तीन दिन से चल रही हड़ताल के कारण हिमाचल में डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस का संकट खड़ा गया है।
केंद्र सरकार ने हाल ही में हिट एंड रन मामले में मोटर व्हीकल एक्ट में संशोधन किया है। इसके विरोध में देशभर के ट्रक ड्राइवर हड़ताल पर हैं। इसका असर हिमाचल में भी दिखने लगा है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों के पेट्रोल पंप ड्राइ हो गए है। इनमें पेट्रोल और डीजल नहीं मिल पा रहा है। हिमाचल प्रदेश में 80% पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं। शेष पंपों पर भी आज शाम तक का तेल बचा है। इसकी सप्लाई नहीं आई तो तेल के लिए हाहाकार मच जाएगा। प्रदेश के पेट्रोल पंपों में तीन दिन से सप्लाई नहीं आई। डीजल की कमी में सुंदनरगर में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) डिपो के सभी बस रूट बंद कर दिए गए हैं। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी आज शाम तक HRTC की ज्यादातर बसें खड़ी हो जाएंगी। निगम के पास भी एक-दो दिन का ही डीजल बचा है। ट्रक पहले ही खड़े हो गए हैं। तेल के बगैर लोगों के छोटे वाहनों के पहिए भी जल्द थम जाएंगे।
सिरमौर जिला के हाटी समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट कर समुदाय को अनुसूचित जनजाति के रूप में अधिसूचित करने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को विगत शनिवार सायं केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण प्राप्त हुआ है और आज राज्य सरकार ने इस संबंध में अविलम्ब अधिसूचना जारी कर दी। उन्होंने कहा कि 3 जनवरी, 2024 को सिरमौर जिले के अपने प्रस्तावित दौरे के दौरान वह हाटी समुदाय को इस दर्जे की औपचारिक घोषणा करेंगे। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित थे। .
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और वह स्वयं यह सुनिश्चित बना रहे है कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में इस दिशा में कोई कोताही न बरती जाए। संजय अवस्थी आज अर्की में स्थानीय निवासियों की समस्याओं के निराकरण के उपरांत उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं क्षेत्र वासियों से विचार-विमर्श कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि आम आदमी की सभी समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार के समीप हो जाए तो वह अपने कार्यों में अधिक समर्पण के साथ समय दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में नियमित अंतराल पर जन समस्या के निराकरण के लिए आम लोगों को समय मिले। उन्होंने कहा कि उपमण्डलाधिकारी अर्की एवं उनकी टीम के माध्यम से इस दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए समयबद्ध धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण, जल शक्ति विभाग एवं विद्युत बोर्ड द्वारा वर्तमान में विभिन्न विकास कार्यों पर लगभग 130 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे है। उनका लक्ष्य अर्की विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश का आदर्श बनाना है। उन्होंने कहा कि अर्की प्रदेश का ऐसा विधानसभा क्षेत्र है जहां उद्योग जगत के साथ-साथ कृषि एवं अन्य सम्बद्ध क्षेत्रों में विकास की अपार सम्भावनाएं है। अर्की विधानसभा क्षेत्र में पहली बार खनन विकास निधि के माध्यम से विकास कार्यों पर करोड़ों रुपए व्यय किए जा रहे हैं। संजय अवस्थी ने जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोज़गार स्टार्ट-अप योजना, लगभग 500 करोड़ रुपए की हिम गंगा योजना, सुखाश्रय योजना और जन हित योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना में अधिक से अधिक बेरोज़गार युवाओं को सम्मिलित करने के लिए शर्तों को और आकर्षक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने से प्रदेशवासी व्यापक स्तर पर लाभान्वित होंगे। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकांश का मौके पर ही निपटारा सुनिश्चित बनाया। उन्होंने अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुप गुप्ता, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, ज़िला कांग्रेस के महासचिव राजेन्द्र रावत तथा प्यारे लाल शर्मा, खण्ड कांग्रेस के महासचिव कमलेश शर्मा, सचिव डी.डी.शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालक राम शर्मा, नगर पंचायत अर्की के पार्षद, पंचायत समिति कुनिहार की पूर्व अध्यक्ष नीलम रघुवंशी, उपमण्डलाधिकारी अर्की यादविंदर पाल, तहसीलदार अर्की रमन ठाकुर, खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार आकृति ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपमण्डलाधिकारी अर्की यादविंदर पाल ने आज मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी की गरिमामयी उपस्थिति में नगर पंचायत अर्की के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर अनुज गुप्ता को नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष पद का कार्यभार सम्भालने पर बधाई देते हुए आशा जताई कि वह इस पद के उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए नगर पंचायत अर्की के क्षेत्र के विकास को तीव्र गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष का उत्तरदायित्व क्षेत्र के लिए विशिष्ट है क्योंकि इस पद के माध्यम से नगर पंचायत अर्की क्षेत्र का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पंचायत अध्यक्ष को सभी के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाना होगा। संजय अवस्थी ने कहा कि समय निरंतर गतिमान है और समय का सदुपयोग करके ही विभिन्न कार्यों को जनहित में जन अपेक्षाओं के अनुरूप पुरा किया जा सकता है। उन्होंने आशा जताई कि नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष समय का सदुपयोग करते हुए नगर पंचायत क्षेत्र की भलाई के कार्य को जारी रखेंगे। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से आमजन की राहों को आसान बना रहे हैं। नगर पंचायत अर्की को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाना है और अपने अधिकार क्षेत्र में लोगों को समय पर सेवाएं प्रदान करनी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास के लिए योजनाओं के अनुरूप समुचित धनराशि प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर सभी को नव वर्ष 2024 की बधाई दी और आशा जताई कि सभी नव वर्ष के प्रथम दिवस पर प्रदेश के विकास में सक्रिय सहभागी बनंेगे और अपने विधानसभा क्षेत्र को नई ऊंचाई प्रदान करने की शपथ लेकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, ज़िला कांग्रेस के महासचिव राजेन्द्र रावत तथा प्यारे लाल शर्मा, खण्ड कांग्रेस के महासचिव कमलेश शर्मा, सचिव डी.डी.शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालक राम शर्मा, नगर पंचायत अर्की के पार्षद, पंचायत समिति कुनिहार की पूर्व अध्यक्ष नीलम रघुवंशी, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक अर्की संदीप शर्मा, तहसीलदार अर्की रमन ठाकुर, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पांच जनवरी को हिमाचल के दौरे पर हैं। इस दौरान वह यहां पर जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा पांच जनवरी को हिमाचल प्रदेश पधार रहे हैं। उन्होंने कहा की शिमला संसदीय क्षेत्र के भाई-बहन अपने हर दिल अजीज नेता का अभिनंदन करेंगे। शिमला संसदीय क्षेत्र के लोग सोलन व शिमला में जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत करेंगे। प्रात नौ बजे सोलन माॅल रोड़ पर रोड़ शो एवं अभिनंदन समारोह होगा और दोपहर एक बजे होटल पीटरहाॅफ शिमला में अभिनंदन समारोह होगा। सांय काल छह बजे भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की कोर ग्रुप की बैठक को राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक शिक्षा को सर्वसुलभ बनाकर युवाओं को भविष्य का उत्तरादायी नागरिक बनाने के लिए कृत संकल्प है। नरेश चौहान आज सोलन की ग्राम पंचायत शमरोड़ के धारों की धार स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित कर रहे थे। नरेश चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में अंग्रेजी पूरे विश्व में संचार का सशक्त माध्यम है। ऐसे में यह आवश्यक है कि हमारे छात्र छोटी कक्षाओं से ही अंग्रेजी भाषा की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए राज्य सरकार ने सभी सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा आरम्भ करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के छात्र सुगमता से आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर पाएंगे। प्रमुख मीडिया सलाहकार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सोच सभी क्षेत्रों का संतुलित एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित बनाना है। प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में चरणबद्ध आधार पर स्मार्ट कक्षाएं आरम्भ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित होने वाले राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल छात्रों को बेहतर शिक्षा एवं अन्य सुविधाएं प्रदान करने का सशक्त माध्यम बनेंगे। सोलन ज़िला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए भूमि चिन्हित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अगले 10 वर्षों में हिमाचल प्रदेश को देश का सम्पन्न राज्य बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनकी संवेदनशील एवं दूरगामी सोच से आपदा के दौरान भी राज्य के पीड़ित लोगों को समय पर सहायता पहुंचाना सुनिश्चित बनाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा पीड़ितों के लिए अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज जारी किया और आपदा राहत मेनुअल में संशोधन के माध्यम से पीड़ितों को समुचित सहायता राशि उपलब्ध करवाई। नरेश चौहान ने इस अवसर पर विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों के लिए अध्यापकों और छात्रों को बधाई देते हुए आशा जताई कि विद्यालय भविष्य में भी अपनी यात्रा जारी रखेगा।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी सोलन के निर्देशानुसार आगामी लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन तथा वल्नरबिलिटी मेपिंग के कार्य के लिए जरूरत पड़ने पर दो से तीन वाहनों (टेक्सी) को ज़िला प्रशासन सोलन द्वारा स्वीकृत दरों पर उक्त कार्यों के सफल संचालन के लिए लगाया जा सकता है। यह जानकारी सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर ने दी। कविता ठाकुर ने कहा कि इच्छुक कमर्शियल वाहन मालिक व फर्म ज़िला प्रशासन सोलन द्वारा स्वीकृत दरों पर अपने वाहन (टेक्सी) को उपरोक्त कार्य के लिए लगवाना चाहते है, वह 02 जनवरी, 2024 को प्रातः 11.30 बजे तक उपमण्डलाधिकारी सोलन के कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने तथा ई-वाहनों को प्रोत्साहित करने के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी सरकारी विभागों को एक जनवरी, 2024 से डीजल या पैट्रोल वाहन न खरीदने के निर्देश दिए हैं। अति-आवश्यक होने पर केवल प्रदेश मंत्रिमण्डल की स्वीकृति के बाद ही विभाग पैट्रोल या डीजल वाहनों की खरीद कर सकेंगे। अपने पहले बजट में ही ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विद्युत चालित वाहन (ई-वाहन) पर राज्य सरकार का विज़न स्पष्ट किया और आगे बढ़कर स्वयं भी इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग कर मिसाल पेश की। राज्य सरकार के प्रयासों के कारण ही आज सरकारी ई-वाहनों की संख्या 185 हो गई है, जबकि प्रदेश में पंजीकृत निजी इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या 2733 तक पहुंच गई है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा ‘‘राज्य सरकार हिमाचल में ई-व्हीकल को बढ़ावा दे रही है। परिवहन विभाग पहला ऐसा विभाग है, जिसमें ई-वाहन का उपयोग शुरू किया गया तथा चरणबद्ध तरीके से सभी सरकारी महकमों में भी इन वाहनों का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। ई-वाहन केवलमात्र एक नई शुरूआत नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। आने वाली पीढ़ियों के लिए हमें पर्यावरण को सुरक्षित बनाना होगा तथा इसकी शुरूआत आज से ही करनी होगी।’’ सरकारी विभागों में गाड़ियों की आवश्यकता पूरी करने के लिए राज्य सरकार ने ई-टैक्सी अनुबंध पर लेने की अनुमति प्रदान की है। 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत युवाओं को ई-टैक्सी के परमिट प्रदान किए जा रहे हैं। ई-टैक्सी की खरीद पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी भी दी जा रही है। इन गाड़ियों को घर पर भी चार्ज किया जा सकता है तथा राज्य सरकार भी चार्जिंग के लिए आधारभूत ढांचा तैयार कर रही है। ई-वाहनों को बढ़ावा देने के लिए 6 राजमार्गों को ग्रीन कोरिडोर के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश में ई-वाहन चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना के लिए परिवहन विभाग ने 54 स्थानों को अंतिम रूप दिया है, जिनमें से कुछ लगभग बनकर तैयार हैं। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की सभी डीजल गाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से ई-बसों में बदला जा रहा है। हाल ही में ई-बसें बनाने वाली कंपनियों के साथ बैठक में हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप गाड़ियां तैयार करने का अनुरोध किया गया है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा ‘‘राज्य सरकार लंबे रूटों पर भी ई-बसें चलाने जा रही है। एचआरटीसी के बेड़े में टाइप-1, 2 और 3 ई-बसों को चरणबद्ध तरीके से शामिल किया जा रहा है, ताकि 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल को स्वच्छ व हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सके। ’’
-कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शांडिल होंगे मुख्यातिथि कंडाघाट विकास खंड की सायरी पंचायत के पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सायरी इकाई इस बार भी नववर्ष बड़ी धूमधाम से मनाएगा। इकाई अध्यक्ष जीआर भारद्वाज ने बताया कि यह नववर्ष कार्यक्रम 1 जनवरी को सायरी के शाही कॉम्प्लेक्स में मनाया जाएगा। समारोह के मुख्यातिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनिराम शांडिल होंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता वीके शर्मा अखिल भारतीय पैरा मिलिट्री बल सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अध्यक्ष करेंगे। वहीं, केडी शर्मा राज्य कल्याण संघ के मुख्य सलाहकार एवं जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि समारोह में सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश के नाटय दल को भी आमंत्रित किया गया है जो गीत-संगीत के माध्यम से लोगों के मनोरंजन के साथसरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। जीआर भारद्वाज ने जिला कार्यकारिणी व जिला की सभी सब इकाइयों के पदाधिकारियों व सदस्यों से आग्रह किया है कि इस नववर्ष समारोह में सुबह 10 बजे शाही कॉम्प्लेक्स सायरी में पहुंचे।
-समारोह में कांग्रेस प्रवक्ता व हॉटलियर्स एसोसिएशन के पैट्रन वेद गर्ग रहे मुख्यातिथि राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर में वीरवार को वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस प्रवक्ता व हॉटलियर्स एसोसिएशन के पैट्रन वेद गर्ग ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज दीप प्रज्ज्वलित कर वंदे मातरम से हुआ। स्कूल प्रधानाचार्य कमल चौहान व एसएमसी अध्यक्ष ओम प्रकाश ने मुख्यातिथि को मफलर, टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ने स्कूल की वार्षिक शैक्षणिक, खेलकूद, सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों की रिपोर्ट सबके समक्ष रखी। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यातिथि व अन्य मेहमानों ने मेधावियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि वेद गर्ग ने कहा कि वह 1980 में इस स्कूल से पासआउट हुए थे। उन्होंने विधार्थियों से आह्वान किया कि उन्हें जिस भी क्षेत्र में इंटरस्ट हो, उसमें ही जाएं। उन्होंने अपनी जेब से स्कूल के शौचालयों के लिए सभी तरह की समाग्री और बच्चों को खेलकूद व संगीत वाद्य यंत्रों की खरीद के लिए धन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अपने मित्रों के साथ 70 हजार की राशी भी एकत्रित की गई है, जिसे जल्द स्कूल को दिया जाएगा। समारोह में एसएमसी के पूर्व अध्यक्ष संजय कुमार, राजकुमार गर्ग, अवतांश गर्ग, मनमोहन सिंह, एनएस बेदी, रवि सकलानी, बॉबी ठाकुर, सुभाष चौहान, काजल रूद्रपाल, सुनील ठाकुर, अनिल कालरा, विवेक मितल, आशीष गुप्ता, लीलादत्त, धर्मपुर कॉलेज के प्रिंसिपल राजेंद्र कश्यप, अर्पणा ठाकुर आदि मौजूद रहे।
-18 वर्षीय रिया कंवर के इलाज के लिए चाहिए लाखों रुपये गरीब परिवार से संबंध रखने वाली कुनिहार के गांव थावना की 18 वर्षीय रिया कंवर का पढ़-लिखकर अपने गरीब मां-बाप का सहारा बनने का सपना उस समय धराशाही हो गया, जब उसे पता चला कि उसे ब्लड कैंसर हो गया है। लगभग 25 दिन पहले रिया के पेट में अचानक दर्द उठा तो परिजन उसे सिविल अस्पताल कुनिहार ले गए, जहां चिकित्सकों ने अल्ट्रासाउंड लेने के लिए कहा तो परिजन उसे आईजीएमसी शिमला ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे ब्लड कैंसर बताया और पीजीआई चंडीगढ़ को रेफर कर दिया। यह जानकर इसके परिवार पर तो मानों दुखों का पहाड़ ही टूट पड़ा। दिहाड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे विजेंदर सिंह कंवर अब अपनी बेटी के इलाज के लिये लगभग 40 लाख रुपये कहां से लाएंगे, उन्हें दिन-रात यही चिंता सता रही है। इतनी बड़ी राशि को इक_ा करना गरीब मां-बाप के बस की बात नहीं है। ऐसे में लड़की के परिजनों ने आम लोगों व सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि उनकी बेटी के इलाज के लिए अपने सामथ्र्य अनुसार जितना सहयोग कर सकें, करें। अगर कोई सज्जन व्यक्ति इस गरीब परिवार की मदद करना चाहता है तो वह रिया के एसबीआई बैंक खाता नंबर 65256856400 में पैसे डाल सकता है।
एसआईएसलिआरटीए बिलासपुर में सिक्योरटी गार्ड व सिक्योरटी सुपरवाइजर के 50 पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू 30 दिसंबर को जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन में आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी संदीप ठाकुर ने दी। संदीप ठाकुर ने कहा कि इन पदों के लिए उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होनी चाहिए। उम्मीदवार के विशिष्ट शारीरिक मादण्ड में ऊंचाई 168 सेमी, वजन 54 किलोग्राम व आयु 20 से 36 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उक्त पदों की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक विभागीय पोर्टल EEMIs पर लॉगइन कर प्राप्त कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि उपरोक्त पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू जिला रोजगार कार्यालय सोलन में 30 दिसंबर को प्रात: 10.30 बजे से आयोजित किए जाएंगे। उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-227242 तथा मोबाइल नंबर 70189-18595 व 78768-26291 पर संपर्क कर सकते हैं।
-सीपीएस ने अर्की कॉलेज के युवा उत्सव समारोह को किया संबोधित -महाविद्यालय परिसर में मां सरस्वती की मूर्ति का किया अनावरण मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में भविष्य की चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार करने के लिए वास्तविक अर्थों में ज्ञान प्राप्त करना आवश्यक है। संजय अवस्थी आज सोलन जिला के राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अर्की में आयोजित कॉलेज फेस्ट (सृजन) एक युवा उत्सव समारोह को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व महाविद्यालय परिसर में मां सरस्वती की मूर्ति का अनावरण किया। उन्होंने डिजिटल गेट व साईबर कैफे का लोकार्पण भी किया। मुख्य संसदीय सचिव ने 5जी नेटवर्किंग तकनीशियन कौशल पाठ्यक्रम का शुभारंभ भी किया। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि वर्तमान युग प्रतिस्पर्धा का युग है और ऐसे समय में सफलता प्राप्त करने के लिए अच्छे अंकों के साथ सही जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तभी छात्र उज्जवल भविष्य की कामना कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वह पढ़ाई तक सीमित न रहें बल्कि भविष्य की चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए हर क्षेत्र का ज्ञान रखें। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों द्वारा ऐसे कार्यक्रमों से छात्रों की छुपी प्रतिभा निखर कर सामने आती है जिससे वह हर क्षेत्र में अव्वल रहकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आशा जताई कि अन्य महाविद्यालय भी छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आने वाले समय में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि आज के युवा कल के उत्तरदायी नागरिक हैं और हम सभी को यह सुनिश्चित बनाना चाहिए कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों व संस्कारों की जानकारी भी मिले। संजय अवस्थी ने कहा कि राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अर्की में फाइन आर्ट्स की कक्षाएं आरम्भ करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने महाविद्यालय में मैदान के विस्तारीकरण और सभागार के निर्माण के लिए प्रारूप के अनुसार बजट के प्रावधान की घोषणा की। उन्होंने महाविद्यालय में वनस्पति शास्त्र के प्राध्यापक के रिक्त पद को भरने का आश्वासन भी दिया। मुख्य संसदीय सचिव ने आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर छात्रों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल, हस्त निर्मित उत्पाद, स्केच पेंटिंग आदि का अवलोकन भी किया और इन सब में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने छात्रों के कौशल की सराहना की। इस अवसर पर छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।संजय अवस्थी ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनी।
-कार्यक्रम में शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान रहे चीफ गेस्ट -खेल व शैक्षणिक गतिविधियों में अव्वल रहे बच्चों को किया पुरस्कृत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाडली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। सुरेंद्र चौहान महापौर नगर निगम शिमला समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे तो राजेश शर्मा राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का आगाज मुख्यातिथि द्वारा दिप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में विद्यालय के बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रधानाचार्य कैलास कौशल ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट सभी के सामने प्रस्तुत की। वहीं, मुख्यातिथि ने बच्चों से समाज मे बढ़ रहे नशे से दूर रहकर अपने जीवन मे सफलता के लिए कड़ी मेहनत करने की अपील की। अंत मे मुख्यातिथि द्वारा खेल व शैक्षणिक गतिविधियों में अव्वल बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर नरेश पाल धौलटा जिला वन अधिकारी शिमला, संजय शर्मा प्रबंधक राज्य सहकारी बैंक शिमला, प्रधानाचार्य कैलास कौशल, विद्यालय स्टाफ व एसएमसी टीम व अन्य मौजूद रहे।
-एसआईटी करेगी मामले की जांच हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में डीएसपी व पूर्व एसएचओ समेत पांच पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज हुआ है। यह केस अदालत के आदेश के बाद हुआ है। पुलिस अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी पति-पत्नी को शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया, जिससे युवक के कान में गहरी चोट पहुंची थी। इसका खुलासा मेडीकल रिपोर्ट में हुआ है। वहीं, पुलिस अधिकारियों पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। नालागढ़ कोर्ट ने पुलिस अधीक्षक बद्दी को संबंधित मामले में कार्रवाई के आदेश दिए थे, जिसके आधार पर अब डीएसपी लीव रिजर्व समेत पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच एसआईटी करेगी। गौर रहे कि हनी ट्रेप, जबरन वसूली व जाली सर्टीफिकेट के मामले में आरोपी दंपति ने पुलिस रिमांड के दौरान उनके साथ पुलिस कर्मियों द्वारा शारीरिक व मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया था, जिसे लेकर कोर्ट में भी याचिका दायर की गई, जिसमें डीएसपी (एलआर) लखवीर सिंह, पूर्व एसएचओ कुलदीप शर्मा, सब इंस्पैक्टर अशोक राणा, एएसआई कल्याण व सुनील पर यातना के आरोप जड़े गए है। बता दें की इसी दंपति ने हाईकोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा था कि पूर्व एसएचओ नालागढ़ ने उनसे जमानत के लिए पैसों की डिमांड की थी। कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए पूर्व एसएचओ और जांच अधिकारी को तुरंत बदलने के आदेश दिए थे। जिस पर पुलिस अधीक्षक बद्दी ने दोनों को उस दौरान लाइन हाजिर कर दिया था। यही नहीं इस मामले से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज गायब होने पर भी नालागढ़ थाना में पहले ही केस दर्ज है, जिसमें भी दो पुलिस अधिकारी एक दूसरे पर आरोप जड़ रहे हैं। अब एक और एफआईआर के बाद नालागढ़ थाना फिर चर्चा में आ गया है। वहीं, एसएसपी बद्दी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट व कोर्ट के आदेश पर डीएसपी समेत 5 पुलिस कर्मियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 330, 331, 354, 294, 509, 506 व 34 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
चायल : परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया की याद में क्लब फॉर क्रिकेट इन चायल द्वारा आयोजित पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस मौके पर राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चायल के प्रशासनिक अधिकारी मेजर कपिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पांच दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आरसीसी जीरकपुर और कमांडो सोलन के बीच खेला गया। जिसमें कमांडो सोलन की टीम विजेता रही। क्लब फॉर क्रिकेट द्वारा टूर्नामेंट में विनिंग टीम को 1 लाख रुपए की प्राइज मनी के साथ नवाजा गया, जबकि रनर अप टीम को 50000 रूपए, तीसरे स्थान पर रही टीम को 20 हज़ार और चौथे नंबर पर रही टीम को 10 हजार रुपए की प्राइज मनी दी गई। इसमें बेस्ट बॉलर पुनीत ठाकुर, बेस्ट बेट्समैन परवीन ससरामटा और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब शुभम नेगी के नाम रहा। गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट का शुभारंभ 23 दिसंबर को चायल के क्रिकेट ग्राउंड में किया गया था। टूर्नामेंट का शुभारंभ राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चायल के प्रधानाचार्य वी के गंगवाल ने किया। इस मौके पर राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चायल के प्रशासनिक अधिकारी मेजर कपिल और विशेष अतिथि के रूप में मेजर अजित व अन्य मौजूद रहे।
-कुनिहार में आयोजित किसान मेले में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत -15 किसानों को वितरित किए 10-10 हजार रुपये के चेक मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग एवं राज्य की भौगोलिक स्थिति के अनुरूप नवीन योजनाएं कार्यान्वित कर किसानों की आर्थिकी को मज़बूत करने के लिए कार्यरत है। संजय अवस्थी आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के सौजन्य से आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेले को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि हिमाचल की आर्थिकी मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है। प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र में उन्नत तकनीक के उपयोग पर बल दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी कृषि एवं फल मंडियों में मूलभूत सुविधाएं एवं आवश्यक अधोसरंचना उपलब्ध करवाने के लिए योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। सभी मंडियों तक आने-जाने वाले संपर्क मार्गों को स्त्रोन्नत करने के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों तक नवीन प्रौद्योगिकी एवं जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से अर्की विधानसभा क्षेत्र में ही नहीं, अपितु पूरे सोलन जिला में समय-समय पर किसान मेले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कृषक हित की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिकी को मजबूत बनाकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जहां एक और सड़क एवं सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुधारा जा रहा है, वहीं लगभग 500 करोड़ रुपये की दूध गंगा योजना के माध्यम से किसानों की आर्थिक उन्नति सुनिश्चित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नागरिक अस्पताल कुुनिहार में शीघ्र ही स्टाफ की कमी को पूरा किया जाएगा तथा भविष्य में अस्पताल के नए भवन के लिए भूमि चयनित करके समुचित बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। मुख्य संसदीय सचिव द्वारा इस अवसर पर खंड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 किसानों को 10000 -10000 रुपये के चेक भी वितरित किए गए। इससे पूर्व कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा प्रदर्शित उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई।
-ऊना, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में सहकारी सभाओं के माध्यम से होंगे वितरित -खाद्य आपूर्ति विभाग के 26 गोदामों में भेज दिया गया है स्टॉक हिमाचल प्रदेश में राशन कार्ड धारक नए साल देसी चावल खाएंगे। प्रदेश खाद्य आपूर्ति विभाग जनवरी से सहकारी सभाओं में उपभोक्ताओं को देसी चावल वितरित करेगा। देसी चावल केवल चार जिलों ऊना, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में ही सहकारी सभाओं के माध्यम से प्रदान किया जाएगा। इससे पहले प्रदेश में देसी चावल सहकारी सभाओं के माध्यम से वितरित नहीं किया गया। हिमाचल प्रदेश सिविल सप्लाई कार्पोरेशन लिमिटेड ने प्रदेश में किसानों से 22,897 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। इस धान को प्रदेश सिविल सप्लाई कार्पोरेशन लिमिटेड ने सरकार की ओर से अधिकृत मिलों को भेजा और मिलों से 15,342 मीट्रिक टन चावल खाद्य आपूर्ति विभाग अब मिलों से प्राप्त कर रहा है, जिसमेंं से 7801 मीट्रिक टन चावल प्रदेश के खाद्य आपूर्ति विभाग के 26 गोदामों में भेज दिया गया है। अब यह चावल सिरमौर, सोलन, ऊना और कांगड़ा के गोदामों से खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से सहकारी सभाओं में पहुंचाया जा रहा है। सहकारी सभाओं में 5,906 मीट्रिक टन चावल भेज दिया गया है, जबकि अभी मिलों से 7,340 मीट्रिक टन चावल लेना बाकी है। यह चावल उपभोक्ताओं को अनुदान पर प्रदान किया जाता है। उपभोक्ताओं को इतने रुपये में मिलेगा यह चावल प्रदेश सरकार को देसी चावल मिलों में थ्रैशिंग करवाने के बाद प्रति किलो 38 रुपये के करीब पड़ रहा है। मिलों में अभी 5,781 मीट्रिक टन धान मंडियों से भेजा जाना है जिसकी अभी थ्रैशिंग होनी बाकी है। चार जिलों की 26 मंडियों में धान खरीद का मंगलवार आखिरी दिन रहा। अब अगले वर्ष ही धान की खरीद की जाएगी। पीडीएस कार्ड धारकों को 10 रुपये, जबकि बीपीएल कार्ड धारकों को छह रुपये प्रति किलो की कीमत पर देसी चावल उपलब्ध होगा।
-जनवरी के पहले सप्ताह में बारिश-बर्फबारी होने की संभावना -हालांकि प्रदेश में तीन दिनों तक साफ रहेगा मौसम हिमाचल प्रदेश में 29 दिसंबर से एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 दिसंबर से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि आगामी तीन दिन तक मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन 29 दिसंबर को प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते मौसम करवट बदल सकता है। नए साल के पहले हफ्ते में ही प्रदेश में बर्फबारी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। शिमला की बात करें तो यहां पर भी तापमान में करीब 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
-सीपीएस ने चमदार के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को किया संबोधित मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि सामाजिक विषमताओं को समाप्त करने में शिक्षा महत्वपूर्ण है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चमदार के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। अवस्थी ने कहा कि आज के कार्यक्रम भू्रण हत्या पर प्रस्तुत नाटक ने युवा वर्ग को यह सोचने पर मज़बूर किया है कि इस तरह के अनैतिक कार्य कभी भी विकास को दिशा प्रदान नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर लड़कियों ने यह सिद्ध किया है कि अवसर मिलने पर वह सभी से बेहतर कार्य कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का एक उद्देश्य नर-नारी के असमान भेद को समाप्त करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक एवं नैतिक मूल्य परक शिक्षा प्रदान कर युवा पीढ़ी को बेहतर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में कार्यरत है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थी को शिक्षा तथा अभिभावक संस्कार देकर उनके जीवन को सम्पूर्ण बनाते हैं। विद्यार्थी जीवन को सही दिशा देने में शिक्षक और अभिभावक का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इन दोनों के समन्वय से ही युवा बेहतर नागरिक बनते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। इससे जहां विद्यार्थी को आगे बढ़ने में सहायता मिलती है वहीं परिश्रम करने के लिए प्रोत्साहन भी प्राप्त होता है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिक्षा में गुणवत्ता को बढ़ने के प्रति गम्भीर प्रयास कर रहे हैं। संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण परिवेश के लोगों की आर्थिकी को मज़बूत करने के लिए सरकार द्वारा शीघ्र ही हिम गंगा योजना आरम्भ की जाएगी। इस योजना के तहत पशुपालकों को दूध उत्पादों का उचित मूल्य दिलाया जाएगा। इस योजना पर लगभग 500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत चमदार और आस-पास की पंचायतों में पानी की कमी को पूरा करने के लिए सर्वेक्षण कर नई योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण में रामशहर से चमदार एवं इससे आगे तक सड़क की मुरम्मत एवं अन्य कार्य किए जाएंगे। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चमदार में बहुउद्देशीय सभागार के निर्माण के लिए आरम्भिक राशि के रूप में 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में डंगा निर्माण के लिए प्राक्कलन के अनुसार धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने दलछाम और रौड़ी में स्नानागार निर्माण के लिए 50-50 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन भी दिया। संजय अवस्थी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 3100 तथा आयोजन समिति को 21 हजार देने की घोषणा की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं को समय पर निपटाने के अधिकारियों को निर्देश दिए।


















































