हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 नवंबर को सोलन जिला के चंबाघाट फीडर के तहत आने वाले क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 30 नवंबर को बसाल, कालाघाट एवं आस-पास के क्षेत्रों में प्रात: 10 बजे सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि खराब मौसम अथवा अन्य कारणों से उपरोक्त निर्धारित तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
-विद्यार्थियों-शिक्षकों को समय पर सामग्री और जानकारी उपलब्ध करवाएगा केंद्र राज्य सरकार की अभिनव पहल विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में निर्णायक कदम है। यह केंद्र एआई तकनीक को एकीकृत करके डेटा विश्लेषण के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशासकों को समय पर सामग्री और जानकारी उपलब्ध करवाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि स्विफ्टचैट एआई हिमाचल प्रदेश के सभी स्कूलों में प्रौद्योगिकी और डाटा संचालित संस्थागत प्रणाली में सक्षम करेगा। यह केंद्र इन टूलकिट के डाटा को राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर के लिए डैशबोर्ड और रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। इससे छात्र की प्रगति, शिक्षक प्रशिक्षण और स्कूल के समग्र प्रदर्शन संबंधी डाटा उपलब्ध होगा। वास्तविक समय में प्रतिक्रिया और सुधार के आधार पर शिक्षक, शिक्षण संबंधी रणनीतियों में सकारात्मक बदलाव किया जाएगा ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने के अवसर प्रदान किए जा सके। वीएसके विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षण की ज्ञानता प्रदान करता है, जिससे उनकी वैश्विक सामग्री और जानकारी तक सार्वभौमिक पहुुंच सुनिश्चित होती है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल होम लर्निंग तथा अनुभव प्रदान कर शैक्षिक असमानताओं को समाप्त करना है। चैटबॉट पर साप्ताहिक अभ्यास विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर उत्तर तथा जानकारीपूर्ण वीडियो के साथ पाठयक्रम के अनुरूप उन्हें विषयों को सुदृढ़ करने में मदद करता है। विद्यार्थी विभिन्न भाषाओं में गणित का अभ्यास कर सकते हैं और वीडियो देख कर अपने संदेह दूर कर सकते हैं। चैटबॉट विद्यार्थियों की आवाज का उपयोग कर विभिन्न भाषाओं का उपयोग कर, क्विज के माध्यम से सामान्य ज्ञान और ज्ञानवर्द्धन कर उनकी शिक्षा में गुणात्मक सुधार में सहयोग करता है। चैटबॉट विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को ऑन डिमॉंड (आवश्यकतानुसार) कार्य योजना, पाठ तैयार करना, वर्कशीट और वीडियो बनाने में भी सहायता प्रदान करता हैै। इससे शिक्षक समयबद्ध शिक्षण सामग्री तैयार कर सकते हैं और विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड का त्वरित अध्ययन करने के साथ-साथ उनकी उपस्थिति दर्ज कर सकते हैं। चैटबॉट शिक्षण विधियों को विद्यार्थी अनुकूल बनाने में सहायता करता है। इसके माध्यम से अभिवावक शिक्षा संबंधी प्रश्नों का समाधान कर सकते हैं। इसके माध्यम से प्रशासक राज्य स्तर पर शैक्षणिक प्रदर्शन का मूल्यांकन कर सीखने के परिणामों के आधार पर रणनीति, योजना और प्रशिक्षण पहल का मूल्यांकन कर सकते हैं, जिसके माध्यम से राज्य स्तर पर प्रशासक विद्यार्थी, अध्यापक और विद्यालय संबंधी जानकारी अपडेट कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र एआई चैटबॉट के माध्यम से विद्यार्थियों के एक डिजिटल साथी के रूप में, शिक्षक को शिक्षण में सहायक और प्रशासक को महत्वपूर्ण डाटा उपलब्ध करवाएगा। चैटबॉट का डेटा शिक्षकों को विद्यार्थी आधारित रणनीतियों को समायोजित करने में सशक्त बनाता है, जिससे विद्यार्थियों के प्रदर्शन में और सुधार होगा।
-अदालत ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजी थाना कंडाघाट के तहत लाखों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी को पंजाब के मोहाली से धर-दबोचा है। उसे अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। जानकारी के अनुसार 29 दिसंबर, 2021 को वाकनाघाट निवासी हिरानंद मोदगिल व 9 अन्य स्थानीय निवासियों द्वारा संयुक्त रूप से पुलिस थाना कंडाघाट में लिखित में एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि मनजीत सिंह नाम का एक व्यक्ति, जो वाकनाघाट में अपने परिवार सहित लक्ष्मी दत्त के मकान में रहता था, ने अपनी बेटी के साथ मिलकर इन लोगों के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है। उसने खुद को आर्मी का ठेकेदार बताकर इन लोगों की दुकानों से सरिया, सीमेंट, बजरी, रेत तथा राशन खरीदा, लेकिन भुगतान नहीं किया। इतना ही नहीं उसने इन लोगों से पैसे भी उधार लिये थे। मनजीत सिंह ने इन लोगों से करीब 30 लाख रुपये की ठगी की है। यह व्यक्ति ठगी करने के उपरांत परिवार सहित 27 दिसंबर, 2021 से गायब हो गया था। इस शिकायत पर थाना कंडाघाट में मनजीत सिंह के खिलाफ अभियोग 30-12-2021 धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में पंजीकृत किया गया था। इस अभियोग के अन्वेषण के दौरान पाया गया कि आरोपी मनजीत सिंह ने वाकनाघाट में जिन लोगों से उपरोक्त सामान खरीद किया था, उन्हें जो बैंक चेक दिये थे, वह इसकी पुत्री मनप्रीत कौर द्वारा हस्ताक्षरित थे तथा उपरोक्त सामान के बिल भी मनप्रीत कौर के नाम पर ही जारी थे। आरोपियों द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए और विक्टिम्स का पैसा इन्होंने हड़प लिया। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि मनप्रीत कौर ने अपने पिता के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। इन सभी आरोपियों ने अपने आधार कार्ड जाली दिये और कोई स्थायी पते की जानकारी नहीं दी और अपना पता भी झूठा बताया, जिसके चलते अभियोग में पुलिस टीम कई बार जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में इनकी छानबीन कर चुकी थी और सभी जगह पर झूठे पते पाए गए। इस अभियोग के अन्वेषण के दौरान थाना कंडाघाट की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सहारनपुर से आरोपी की शिनाख्त पक्की की और 27 दिसंबर, 2023 को आरोपी मनप्रीत कौर पुत्री मनजीत सिंह को मोहाली से गिरफ्तार किया गया है, जिसे 28 दिसंबर दिन मंगलवार को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों द्वारा इस धोखाधड़ी को अंजाम देने में प्रयोग किए गए 2 वाहनों, टाटा सफारी और होंडा अमेज को भी जब्त किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के एनसीसी कैडेट्स ने प्रथम छात्र वाहनी एनसीसी सोलन के मार्गदर्शन से एनसीसी सप्ताह मनाया। इस सप्ताह के दौरान एनसीसी कैडेट्स द्वारा अनेक गतिविधियां ड्रिल, चित्रकला, भाषण प्रतियोगिताएंं करवाई गईं और कुनिहार में नशा निवारण पर रैली निकाली कर लोगों को जागरूक भी किया। जानकारी देते हुए विद्यालय के एनसीसी अधिकारी अमर देव ने बताया कि विद्यालय में एनसीसी सप्ताह मनाया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता करवाई गईं और सभी विजेता, उप विजेता कैडेट्स को विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा पारितोषिक देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने एनसीसी कैडेटों को एनसीसी सप्ताह के मनाए जाने की बधाई दी। विद्यालय प्रधानाचार्य ने सभी कैडेट्स को एनसीसी प्रमाण पत्र का महत्व, कैडेट्स को एकता और अनुशासन, सामजिक सेवा और देश के लिए सेवा भाव जागरूक किया और कैडेट्स को भारतीय सेना में सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन करने के लिए एएनओ अमर देव की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय मुख्याधापिका सुषमा शर्मा और अन्य अध्यापक वर्ग मौजूद रहे।
सोलन जिले के सुबाथू-धर्मपुर मार्ग पर सुबाथू-नयानगर के मध्य क्षतिग्रस्त मार्ग को आवश्यक आवाजाही के लिए सुचारू कर दिया गया है। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि सुबाथू-नयानगर मार्ग पर अब हल्के वाहनों तथा बसों की आवाजाही सुचारू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर हल्के मालवाहक वाहन भी आ-जा सकेंगे। मार्ग पर यातायात परिचालन का समय प्रात: 7.30 बजे से सायं 7.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नागरिकों को हो रही असुविधा के दृष्टिगत इस सम्बन्ध में उपमण्डलाधिकारी कसौली गौरव महाजन तथा ब्रिगेडियर कमांडर सुबाथू के मध्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में इस मार्ग को बहाल करने के सम्बन्ध में चर्चा की गई। उन्होंने बैठक के उपरांत प्रशासन तथा सेना के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण भी किया। मनमोहन शर्मा ने कहा कि इस मार्ग पर वाहनों की सुरक्षा के लिए उचित स्थान पर सूचना पट्ट स्थापित किए जाएंगे। इस संबध में लोक निर्माण विभाग के कसौली स्थित अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर बस सेवा एवं हल्के मालवाहक वाहनों के आरम्भ होने से स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी। उपायुक्त ने सभी से आग्रह किया है कि इस सड़क सहित विभिन्न मार्गो पर वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाएं, ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
-संजीवनी साबित हुई रैट होल माइनिंग -इस पर 2014 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने लगा दिया था प्रतिबंध उत्तराखंड़ के उत्तरकाशी जिले में 12 नवंबर को सिल्क्यारा टनल में काम कर रहे 41 मजदूर फंस गए थे। मजदूरों को निकालने के लिए विदेशों से एक्सपर्ट बुलाए गए, बड़ी-बड़ी मशीनों से काम किया गया, लेकिन किसी न किसी वजह से ऑपरेशन रुकता रहा। जहां बड़ी-बड़ी मशीनें भी फेल हो गईं वहां काम आए इंसान के हाथ और 17 दिन में पहली बार मजदूरों तक पहुंचने में कामयाबी मिली। मजदूरों को निकालने के लिए की जा रहीं तमाम कोशिशों में रैट होल माइनिंग संजीवनी साबित हुई है। इसमें 12 माइनर्स की छोटी-छोटी टीमें अंदर भेजी गईं, एक माइनर मिट्टी खोदता गया तो दूसरा मलबा साफ करता और तीसरा मलबे को बाहर फेंकता गया। इस तरह धीरे-धीरे टनल खोद कर 41 मजदूरों तक पहुंचा गया। ये वही रैट होल माइनिंग है, जिसे 2014 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने मजदूरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस पर प्रतिबंध लगा दिया था। दरअसल मेघालय में कोयला निकालने के लिए रैट होल माइनिंग का ज्यादा इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन माइन में नदी का पानी आने से कोल पिट में 15 माइनर्स फंसकर मर गए थे। तबसे एनजीटी ने इस प्रक्रिया को खतरनाक बताते हुए इस पर रोक लगा दी थी। आज इसी तकनीक से सिल्क्यारा टनल में रेस्क्यू ऑपरेशन सफल साबित हो पाया है।
जिला पुलिस सोलन द्वारा जिला में नशा तस्करों विशेषत: चिट्टा और अन्य नशीली दवाइयों/पदार्थों की तस्करी करने वालों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है। पिछले चार महीनों में ही जिला पुलिस ने 8 बड़े चिट्टा तस्करों के नेटवर्कों को ध्वस्त भी किया है, जिससे जिला में चिट्टा तस्करी करने वाले गिरोहों की गतिविधियों में और चिट्टा की सप्लाई में भारी कमी आई है। इसी कड़ी में एक अन्य नेटवर्क को भी तोड़ा गया है जिसमें दिनांक 18-11-23 को सोलन जिला की स्पेशल टीम ने सोलन के माल रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में दो युवक जो सोलन शहर में नौजवानों को चिट्टा बेचने की फिराक में थे, को उस गेस्ट हाउस से 7.34 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया तथा इस संदर्भ में थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गयाहै। दोनों आरोपियों राहुल पुत्र हेमराज उम्र 20 साल निवासी नेपाल और विजय कुमार पुत्र महेंद्र, उम्र 35 साल निवासी सोलन को पुलिस रिमांड पर लेकर अभियोग की आगामी जांच की गई जिसमें पता चला कि आरोपी विजय के खिलाफ़ 3 आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं, जिनमें पोक्सो एक्ट और चोरी के मामले शामिल हैं। ये दोनों आरोपी इस चिट्टा को अपने बिचौलिये दोस्त नरेेंद्र पुत्र रघुवीर सिंह निवासी जौणाजी रोड़ के माध्यम से पैसों का लेन-देन करके खरड़ निवासी चिट्टा तस्कर मोहित से खरीद कर लाये थे। जिस पर दिनांक 19-11-2023 को पुलिस टीम द्वारा आरोपी नरेेंद्र को अभियोग में गिरफ्तार किया गया। इस अभियोग के आगामी अन्वेषण के दौरान पाया गया कि आरोपी मोहित एक अन्य व्यक्ति का Paytm-wallet व सिम कार्ड पिछले एक साल से प्रयोग कर रहा था, ताकि पुलिस से बचा जा सके। जांच में पैसों के लेन देन और चिट्टा तस्करी के सबूत मिलने पर दिनांक 23-11-2023 को आरोपी मोहित लखनपाल पुत्र धरमपाल निवासी खंरड़ पंजाब, उम्र 28 साल को चिट्टा सप्लाई करने के आरोप में अभियोग में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मोहित पिछले 7 वर्षों से ज़्यादा समय से चिट्टा तस्करी कर रहा है। इसके खिलाफ चोरी के मुकदमे भी दर्ज हैं। इस अभियोग में चारो आरोपी राहुल, विजय, नरेंद्र व मोहित न्यायिक हिरासत में हैं। अभियोग में जांच जारी है। सोलन पुलिस द्वारा इस वर्ष अभी तक बाहरी राज्यों के 72 आरोपियों, जिनमें चिट्टे के 58 बड़े सप्लायर हैं, जो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम, महाराष्ट्र आदि राज्यों से हंै, को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 5 अफ्रीकी मूल के नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है। इन बाहरी राज्यों के तस्करों द्वारा हिमाचल प्रदेश में चलाये जा रहे चिट्टा तस्करी के 9 बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्को को ध्वस्त कर दिया गया है, जिससे हजारों युवाओं को चिट्टा की आपूर्ति बंद हुई है। जिला पुलिस ने इस वर्ष अभी तक नशा तस्करी के 101 मुकदमे दर्ज करके 211 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-स्कूलों के पुस्तकालयों को भी किया जाएगा डिजिटल -संस्कृति मंत्रालय फंड करेगा जारी हिमाचल में सभी पुस्तकालय डिजिटल होंगे। पुस्तकालयों को डिजिटल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पाठकों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए हजारों रुपये खर्च करके पुस्तकें भी नहीं खरीदनी पड़ेंगी। स्कूलों के पुस्तकालयों को भी डिजिटल किया जाएगा। पुस्तकालयों में मौजूद पुस्तकों को भी धरोहर के रूप में संभालकर रखा जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने राजा राम मोहन राय पुस्तकालय फाउंडेशन कोलकाता के साथ मिलकर पुस्तकालयों को डिजिटल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए संस्कृति मंत्रालय से फंड जारी होगा। स्कूलों के पुस्तकालयों को भी डिजिटल किया जाएगा। इसका कार्यभार समग्र शिक्षा को सौंपा है। इन पुस्तकालयों को राष्ट्र डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़ा जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय के मुताबिक शुरुआत में ऐतिहासिक, दीमक और खराब होने की स्थिति में पुस्तकों को डिजिटल किया जाएगा। इसके बाद नई अन्य किताबों को डिजिटल करने की प्रक्रिया होगी। वर्तमान समय में राजधानी के तीनों राज्य पुस्तकालय में 77,600 के करीब पुस्तकों का संग्रह है।
-धार्मिक पर्यटन सर्किट बस सेवा के तहत एचआरटीसी इस रूट पर वोल्वो बस चलाएगा -अगले साल से इस रूट पर यह बस सेवा शुरू करने की योजना हाल ही में धार्मिक पर्यटन सर्किट बस सेवा के तहत एचआरटीसी ने चिंतपूर्णी-ज्वालाजी, खाटू श्याम और भंगायणी माता मंदिर हरिपुरधार के लिए बस सेवा शुरू की और अब पंजाब के अमृतर स्थित स्वर्ण मंदिर और अटारी बॉर्डर के लिए भी हिमाचल पथ परिवहन निगम वोल्वो सेवा शुरू करने जा रहा है. दरअसल बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाले सैलानी स्वर्ण मंदिर और अटारी बार्डर घूमने जरूर जाते हैं और हिमाचल से स्वर्ण मंदिर और अटारी बार्डर के लिए अब तक कोई लग्जरी बस सेवा नहीं थी। ऐसे में इस रूट पर वोल्वो बस चलने से निगम को अच्छी कमाई की उम्मीद है। अगले साल से इस रूट पर यह बस सेवा शुरू करने की योजना है वहीं, एचआरटीसी दिल्ली और अमृतसर एयरपोर्ट के लिए भी सीधी वोल्वो सेवा शुरू करने की योजना बना रहा है। शिमला-चंडीगढ़ एयरपोर्ट वोल्वो के सफल संचालन के बाद इसे लेकर प्रयास किये जा रहे हैं। टूरिस्ट सीजन के दौरान बड़ी संख्या में सैलानी दिल्ली, अमृतसर, शिमला, मनाली, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के बीच आवाजाही करते हैं। ऐसे में वोल्वो सेवा शुरू होने से इन्हें लाभ होगा।
-मेधावी बच्चों को लैपटॉप भी वितरित करेंगे -स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को जारी किए उचित दिशा-निर्देश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज यहां मुख्यमंत्री के 30 नवंबर के प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम के दृष्टिगत प्रमुख विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। डॉ. शांडिल ने संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री के संभावित प्रवास के दृष्टिगत उचित दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को मुख्यमंत्री अपने प्रस्तावित प्रवास के दौरान सोलन जिला के आपदा प्रभावितों को प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाई गई राहत के अनुरूप चैक वितरित करेंगे तथा सुखाश्रय योजना के लाभार्थी बच्चों को प्रमाणपत्र भी प्रदान करेंगे। वे मेधावी छात्रों को लैपटॉप भी वितरित करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के सफल प्रवास के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से विभाग वार जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव राहुल ठाकुर, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश सूद, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, मनोनीत पार्षद पुनीत नारंग तथा रजत थापा, खंड कांग्रेस समिति के महासचिव कुनाल सूद तथा लोकेंद्र शर्मा, अजय कंवर, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, नगर निगम सोलन की संयुक्त आयुक्त प्रियंका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
इंडियन सोसाइटी ऑफ प्लांट जेनेटिक रिसोर्सेज ने आईसीएआर-नेशनल ब्यूरो ऑफ प्लांट जेनेटिक रिसोर्सेज (एनबीपीजीआर), नई दिल्ली और एमएस स्वामीनाथन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के सहयोग से शूलिनी में एप्लाइड साइंसेज और बायोटेक्नोलॉजी संकाय द्वारा समर्थित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया । सेमिनार, जिसका विषय था 'उत्तर-पश्चिम हिमालय में खाद्य पोषण और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए पादप जैव विविधताÓ, इस क्षेत्र में जैव विविधता संरक्षण की तत्काल आवश्यकता पर चर्चा करने के लिए प्रतिष्ठित हस्तियों और विशेषज्ञों को एक साथ लाए। मुख्य अतिथि आईएसपीजीआर के अध्यक्ष और टीएएएस, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. आरएस परोदा थे, जिन्होंने हर्बल पौधों की रक्षा करने, सोयाबीन और कीवी जैसे मुख्य खाद्य पदार्थों से परे फसलों में विविधता लाने और भारतीय बच्चों में कुपोषण के मुद्दों का समाधान करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और पश्चिमी हिमालय की सुरक्षा में उद्योग और जैव प्रौद्योगिकी के महत्व पर जोर दिया। अपने स्वागत भाषण में, उन्होंने जैव विविधता और पर्यावरण की रक्षा पर केंद्रित पहल के लिए सरकारी सब्सिडी मांगने के महत्व को रेखांकित किया। प्रोफेसर खोसला ने स्थायी परिणाम प्राप्त करने में विज्ञान और पर्यावरण के साथ-साथ अर्थशास्त्र की अभिन्न भूमिका पर भी प्रकाश डाला। एएसआरबी, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार ने मानवता और हिमालय की समृद्ध जैव विविधता के बीच गहरे संबंध पर अंतर्दृष्टि साझा की। हिमालयी वनस्पतियों के चिकित्सीय गुणों पर जोर देते हुए, उन्होंने जागरूकता बढ़ाने में सामुदायिक भागीदारी और मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका की वकालत की। डॉ. आरपीसीएयू, पूसा, बिहार के चांसलर डॉ. पीएल गौतम ने जैव विविधता की साझा विरासत और पर्यावरण के संरक्षण के लिए ठोस प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला ने जैव विविधता संरक्षण में योगदान देने के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता के साथ चमकने के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की। आईएसपीजीआर की महासचिव और सेमिनार की आयोजन सचिव डॉ. अनुराधा अग्रवाल ने सम्मानित अतिथियों और मुख्य अतिथियों के बहुमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव दिया। संगोष्ठी में डॉ. एसके गुप्ता और डॉ. मोनिका शर्मा द्वारा संकलित 'फ्रेंच बीन डिजीजÓ नामक पुस्तक का आधिकारिक विमोचन भी हुआ। यह प्रकाशन पौधों के स्वास्थ्य से संबंधित ज्ञान को बढ़ाता है और जैव विविधता संरक्षण पर चल रही बातचीत में योगदान देता है। विशेषज्ञों की एक समर्पित टीम द्वारा संकलित राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका, जिसका शीर्षक 'उत्तर पश्चिम हिमालय में खाद्य, पोषण और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए पादप जैव विविधताÓ है जारी किया गया, जिस में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के प्रमुख संदेश शामिल है। डॉ. मंजूषा वर्मा, डॉ. मोहर सिंह, डॉ. ज्योति कुमारी, डॉ. शेरी जैकब, डॉ. पदमावती, डॉ. शांतनु मुखर्जी, प्रोफेसर वाईएस नेगी, प्रो. सौरभ कुलश्रेष्ठ, डॉ. मोनिका और डॉ. कुलदीप त्रिपाठी द्वारा संकलित और आईएसपीजीआर द्वारा प्रकाशित राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका है। इस प्रकाशन में आमंत्रित वक्ताओं के व्यावहारिक लेख भी शामिल हैं, जो सेमिनार की चर्चाओं पर एक व्यापक संसाधन पेश करते हैं।
-समापन समारोह में आने के लिए शिक्षा मंत्री का जताया आभार नीतीश। खेलकूद प्रतियोगिताएं आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का काम करती हैं। यह बात जय बनाड़ स्पोर्ट्स क्लब सुंडली के अध्यक्ष राकेश खोकटा, प्रधान अमित धौटा, कोषाध्यक्ष मून खोकटा, सचिव साहिल दिलटा, बनी और अक्षय ने प्रेस को जारी एक बयान में कही। उन्होंने कहा कि क्लब की मेहनत और आपसी सहयोग से लगातार 13वें संस्करण की क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो पाया है, जिसका श्रेय क्लब के हर पदाधिकारी को जाता है। क्लब ने हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का व्यस्तता के बावजूद भी समापन समारोह में भाग लेने के लिए क्लब की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया। क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रतियोगिता में 128 टीमों ने भाग लिया और प्रतियोगिता 18 दिन तक चली। क्लब ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का क्लब को 50 हजार की राशि देने के लिए आभार जताया। उन्होंने बलवंत झौटा, अजय सौटा विक्की घेजटा, यशवंत धौटा, केतन नेगी, मदन जनटा, नवीन चौहान तक्षु औकटा, विक्की राठौर, रवि दिलटा, भूपी सौटा, मनोज मंटा,अशोक दिलटा का क्लब को सहायता राशि देने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। क्लब ने सयुंक्त रूप से प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों का धन्यवाद किया और विजेता टीम जीटीसी बराना और उप विजेता टीम जेएमसी खलाई को बधाई दी। वहीं, सुंडली के ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री को सरस्वती नगर (सावडा) में मुख्यमंत्री राहत कोष में 31000 रुपये का चेक भी भेंट किया।
-एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में निकलने वाली रैली में मुख्यमंत्री करेंगे घोषणा प्रदेश सरकार ने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है, जिससे पशुपालकों को राहत मिलेगी। प्रदेश सरकार वीटा और वेरका के मुकाबले पशुपालकों से ऊंची कीमत पर दूध खरीदेगी। प्रदेश सरकार के एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में होने वाली रैली में मुख्यमंत्री इसकी घोषणा करेंगे। सरकार उपमंडल स्तर पर दुग्ध कमेटियां का गठन करेगी और मिल्कफेड के जरिये ब्लॉक स्तर पर कमेटियां गठित कर दूध की खरीद की जाएगी। पशुपालकों की संख्या के आधार पर दुग्ध कमेटियां गठित कर मिल्कफेड के पास पंजीकृत करवाई जाएंगी। पशुपालकों से घर द्वार दूध खरीदने के लिए मिल्कफेड के माध्यम से वाहनों की भी व्यवस्था करवाई जाएगी। मिल्कफेड के दत्तनगर और डगवाल संयंत्र को अपग्रेड करने की भी योजना है, जिससे बेहतर गुणवत्ता का दूध खुले बाजार में उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाया जा सके। मौजदूा समय में मिल्कफेड पशुपालकों से दूध गुणवत्ता के आधार पर 24 से 30 रुपये किलो खरीद रहा है। इसे बढ़ाकर 30 से 35 रुपये किया जा सकता है। उधर, कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार का कहना है कि सरकार ने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। पशुपालकों से वेरका से महंगी दरों पर दूध खरीदा जाएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्थान पर आयोजित किए जाने वाले मेलों और उत्सवों को आर्थिक दृष्टि से व्यापक स्तर पर मनाया जा आवश्यक है। डॉ. शांडिल गत सायं सोलन जिला के विकास खंड कंडाघाट के जदारी के दो दिसवीय बिजेश्वर देव (बागुडी) मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व जदारी में 20 लाख रुपये से निर्मित केवीके फार्म के फील्ड स्टोर तथा प्रजनन प्रयोगशाला तथा ध्यारी गांव से केवीके फार्म तक लगभग 3 लाख से निर्मित संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने गांव घयाड़ी में पेयजल टैंक मरम्मत के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। महिला मंडल जधारी के भवन के मरम्मत के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से मेला समिति को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। डॉ. शांडिल ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति की धरोहर हंै। उन्होंने कहा कि मेलो में युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं, जिससे न केवल व्यापार में बढ़ोतरी होती है, बल्कि आर्थिकी में भी इजाफा होता है। उन्होंने कहा कि तकनीक के आधुनिक युग में मेले हमें हमारी सांस्कृति धरोहर से जोड़े रखने में आवश्यक भूमिका निभाते है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विभिन्न मेलों और त्यौहारों में स्थानीय हस्तशिल्प और हथ-करघा निर्मित वस्तुओं के क्रय-विक्रय को बढ़ाया जाना आवश्यक है। इससे हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को रोज़गार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बेहतरीन कार्य कर रही है। रोज़गार सृजन के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सुखाश्रय योजना जहां बेसहारा बच्चें के लिए आशा की किरण बनेंगी वहीं 680 करोड़ रुपये की स्टार्ट अप योजना शिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (किप्स) सनवारा में आज गुरु नानक देव जी का जन्मोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम पाठ, अरदास एवं कीर्तन का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद व उप प्रधानाचार्य पूनम ठाकुर ने सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की जीवनी पर प्रकाश डाला तथा उनके द्वारा दी गई शिक्षा और उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी उपस्थित जनों ने गुरु का लंगर ग्रहण किया।
-एसडीएम ने फेसबुक पर वीडियो शेयर न करने की अपील की इन दिनों हिमाचल के शिमला जिले के रोहड़ू में चुड़ैल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोग खौफ में आ गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने इस वीडियो को शेयर न करने की अपील भी जारी कर दी है। एसडीएम रोहडू के फेसबुक पेज पर ये लिखा गया है कि रोहड़ू क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील है कि वे सोशल मीडिया पर फैलाये जा रहे अंधविश्वास एवं भ्रांतियों पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया पर इस तरह की निराधार अफवाहों से आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों के मन पर बुरा प्रभाव डलता है व अनावश्यक भय का माहौल बनता है। बताया जा रहा है कि समाज में अंधविश्वास फैलाने और लोगों में भय पैदा करने वाला यह वीडियो कट-कॉपी पेस्ट कर बनाया गया है और इसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया। इस वीडियो में एक चुड़ैल को पहले ट्रक पर दिखाया गया है। इसके साथ दूसरा वीडियो सीसीटीवी का लगाया गया है। सीसीटीवी के वीडियो में सड़क पर भाग रही किसी महिला को चुड़ैल बनाया गया है। कुछ लोगों का ये भी कहना है कि नेपाली मूल के दंपती रात को आपस में लड़ते हैं। पति की मार के डर से पत्नी सड़क पर भागती है। इसी महिला को किसी शरारती तत्व ने चुड़ैल बनाकर लोगों में भय पैदा करने का काम किया है। इस मामले पर एसएचओ रोहड़ू प्रवीण राणा ने बताया कि यदि कोई शिकायत करता है तो इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं, एसडीएम रोहड़ू सन्नी शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने इस वीडियो को सोशल मीडिया में शेयर न करने की एडवाइजरी जारी की है।
-चार दिसंबर को होगी '1' नंबर की ई-नीलामी गाड़ियों में वीआईपी नंबर का क्रेज बढ़ता जा रहा है। वीआईपी नंबर का शौक रखने वाले लोगों के लिए अब हिमाचल सरकार भी एक नई पालिसी लेकर आयी है। जो वीआईपी नंबर 1 पहले सिर्फ सरकारी वाहनों में दिखता था अब वो नंबर कोई भी आम व्यक्ति ले सकता है। हिमाचल सरकार अब आम जनता के लिए वीआईपी नंबर '1Ó उपलब्ध करवा रही है और इसके लिए चार दिसंबर से ई-नीलामी करेगी भी शुरू हो जाएगी। वीआईपी नंबर की बेस वैल्यू पांच लाख रुपये रखी गई है और ई-नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन 27 नवंबर (सोमवार) से 2 दिसंबर (शनिवार) तक करवाया जा सकता है। रविवार को इसकी बोली लगाई जाएगी और सबसे अधिक बोली लगाने वाले को शाम पांच बजे तक नंबर अलॉट कर दिया जाएगा। सरकार की ई-निलामी योजना से पहले भी परिवहन विभाग को काफी ज़्यादा मुनाफा हुआ है। पहले चरण में ही वीआईपी नंबरों की नीलामी से विभाग ने 8 करोड़ रुपये से ज़्यादा कमाए है। इस योजना के बारे में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री का कहना है कि प्रदेश सरकार परिवहन विभाग से 1000 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करेगी। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए है। यह लक्ष्य परिवहन विभाग में रिकॉर्डतोड़ राजस्व अर्जित करने का होगा। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी गाडिय़ों पर ही '1Ó नंबर लगाया जाता था, जिसे अब आम जनता के लिए खोला जा रहा है। यह नीलामी पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।
-सरकार ने बढाई 15 हजार रुपये खरीद राशि -आगामी चार वर्ष तक नहीं खरीद सकते है कोई अन्य उपकरण हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए कुछ छूट प्रदान की है। जानकारी के मुताबिक प्रशासनिक सचिव अब एक लाख रुपये तक की कीमत के डिजिटल डिवाइस खरीद सकेंगे। आपको बता दें की पहले 85 हजार रुपये की कीमत के डिजिटल डिवाइस खरीदने की छूट थी। लेकिन अब प्रदेश सरकार ने खरीद राशि को 15 हजार रुपये बढ़ा दिया है। इसकी खरीद के लिए सरकार की ओर से धनराशि दी जाएगी। डिजिटल डिवाइस के तहत लैपटॉप, टैबलेट, आईपैड, फैबलेट, नोटपैड, नोटबुक, नेटबुक, मोबाइल फोन, मैकबुक, प्रिंटर और यूपीएस की खरीद कर सकेंगे। वित्त विभाग की मंजूरी लेकर डिजिटल टेक्नालॉजी और गवर्नेंस विभाग ने इस बाबत सभी प्रशासनिक सचिवों को पत्र जारी कर दिया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि चार साल तक डिजिटल डिवाइस सरकारी संपत्ति होगी। चार वर्ष तक संबंधित सचिव डिवाइस के रखरखाव के लिए जिम्मेवार होगा। एक बार डिवाइस खरीदने वाला सचिव आगामी चार वर्ष तक नया डिवाइस खरीदने के लिए पात्र नहीं होगा।
-इससे पहले हो चुकी है हिम तेंदुए की गणना -लगातार बढ़ रही है तेंदुए की संख्या हिमाचल प्रदेश में स्नो लैपर्ड के बाद पहली बार तेंदुए की गणना होने जा रही है। वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के माध्यम से तेंदुए की गणना के कार्य को अंजाम दिया जाएगा। इसके लिए किसी एजेंसी को हायर किया जा सकता है, जो कि तेंदुए की संख्या का सर्वेक्षण करेगी। उम्मीद जताई जा रही है की दिसंबर में तेंदुए की गणना के लिए संबंधित एजेंसी अपने तरीके से कार्रवाई करेगी। वाइल्ड लाइफ हमीरपुर के डीएफओ रिगनोल्ड रॉयस्टन ने बताया कि प्रदेश में तेंदुए की गणना की जाएगी। तेंदुए की गणना के लिए संबंधित एजेंसी अपने तरीके से कार्रवाई करेगी। सीसीटीवी या अन्य उपकरणों की मदद से सर्वेक्षण कार्य को अंजाम दिया जा सकता है। इसके लिए वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की तरफ से एजेंसी से सर्वे करवाया जाएगा। सर्वे पूरा होने पर पता चलेगा कि प्रदेश में कितने तेंदुए है। बीते कुछ समय पहले राज्य वन विभाग के वन्य प्राणी विभाग ने प्रकृति संरक्षण फाउंडेशन बंगलूरू के सहयोग से हिम तेंदुओं की गणना की गई थी। उस गणना में पता चला था कि हिमाचल में 73 स्नो लैपर्ड है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि खेल गतिविधियां सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आवश्यक हैं। वर्तमान युग में मानसिक तनाव को कम करने में मास्टर गेम्ज़ जैसी खेल प्रतियोगिताएं सहायक सिद्ध होगी। डॉ. शांडिल आज सोलन के ठोडो मैदान में 12वीं हिमाचल प्रदेश मास्टर गेम्ज़ का शुभारम्भ करने के उपरांत प्रतिभागियों और अन्य को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि आयु बढ़ने के साथ-साथ हमारे शरीर की कार्यप्रणाली धीरे होने लगती है। शारीरकि एवं मानसिक रूप से क्रियाशील बने रहने के लिए यह आवश्यक है कि हम नियमित रूप से कुछ समय खेल एवं व्यायाम को दें। उन्होंने कहा कि मास्टर गेम्ज़ मध्य आयु वर्ग से लेकर बुजुर्गों को वरिष्ठ नागरिकों तक को खेलों के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने आग्रह किया कि सभी को नियमित रूप से अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम करना चाहिए और खेलों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति स्वयं व आस-पास के लोगों के जीवन को सकारात्मक बनाता है। उन्होंने कहा कि अपने तथा समाज के विकास के लिए सकारात्मक वातावरण आवश्यक है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खेल-कूद गतिविधियां व्यक्ति को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक, शारीरिक रूप से क्रियाशील रखकर सामाजिक विकास में अहम योगदान देती है। उन्होंने कहा कि खेल हमें विज्ञान और मनोविज्ञान सीखा कर अनुशासित रहना सीखाते हैं। उन्होंने कहा कि मास्टर गेम्ज़ में 96 वर्ष के लायक राम ने 100 मीटर की दौड़ में भाग लेकर सभी के लिए एक मिसाल कायम की है। डॉ. शांडिल ने कहा कि सोलन में खेल परिसर बनाने के प्रयास किए जाएंगे ताकि सभी खेलों को एक ही परिसर में आयोजित किया जा सके। मास्टर गेम्ज में प्रदेश से आए 400 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश मास्टर गेम्ज़ ऐसोसिएशन को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। इस मोके पर ये लोग रहे मौजूद इस अवसर पर कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह, ईशा सूद, संगीता ठाकुर, मनोनीत पार्षद रजत थापा, विजय ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश सूद, खण्ड कांग्रेस सोलन के महासचिव कुनाल सूद तथा लोकेन्द्र शर्मा, कांग्रेस नेत्री संगीता धोल्टा, मधु ठाकुर, तहसीलदार सोलन मूल्तान सिंह बनियाल, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, मास्टर गेम्ज एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार, महासचिव तेजस्वी शर्मा, कोषाध्याक्ष मस्त राम शारदिया, उपाध्यक्ष अजय कंवर, वरिष्ठ संयुक्त सचिव मनोज कंवर, ज़िला अध्यक्ष रजनीश कौशिक, सह सचिव रविन्द्र शर्मा, केवल राम, सीमा परमार सहित अन्य गणमान्य एवं प्रतिभागी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और बच्चों की छुपी प्रतिभा निखर कर सामने आती है। डॉ. शांडिल आज साउथवेल द वर्ल्ड स्कूल के वार्षिक समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को मज़बूत बनाते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल-कूद गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व में निखार लाकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करती हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तायुक्त शिक्षा समय की मांग है और प्रदेश सरकार इस दिशा में योजनाबद्ध कार्य कर रही है।उन्होंने आशा जताई कि साउथवेल स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित की जा रही गतिविधियों को भविष्य में भी जारी रखेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्कूल के संस्थापक चोपड़ा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और स्कूल की गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से उन्हें पुरस्कृत करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह, मनोनीत पार्षद रजत थापा, विजय ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश सूद, कांग्रेस नेत्री संगीता धोल्टा, मधु ठाकुर, खण्ड कांग्रेस सोलन के महासचिव कुनाल सूद तथा लोकेन्द्र शर्मा, शूलिनी विश्वविद्यालय के उप कुलपति पी.के खोसला, स्कूल के संस्थापक ऋषभ चोपड़ा, निदेशक राजीव चोपड़ा, प्रधानाचार्य शशि जुल्का, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव, नगर निगर सोलन की संयुक्त आयुक्त प्रियंका, तहसीलदार सोलन मूल्तान सिंह बनियाल, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार सहित छात्र व अभिभावक इस अवसर पर उपस्थित थे।
शूलिनी विश्वविद्यालय के कानूनी विज्ञान संकाय के सेंटर फॉर क्लिनिकल लीगल एजुकेशन (CCLE) ने तीन दिवसीय राष्ट्रीय कानून उत्सव 2.0 का आयोजन किया, जो कल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 23 नवंबर से आयोजित यह कार्यक्रम भारत के संविधान दिवस के साथ मेल खाता है, जो हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है। कानूनी शिक्षा में सिद्धांत और व्यवहार को एकीकृत करने के उद्देश्य से आयोजित इस उत्सव में विविध प्रकार की प्रतियोगिताएं शामिल थीं, जिनमें मूट कोर्ट प्रतियोगिता, अपराध स्थल की जांच, केस कमेंट्री प्रतियोगिता, जनहित याचिका मसौदा प्रतियोगिता, लेख लेखन प्रतियोगिता और विधायी समीक्षा प्रतियोगिता शामिल थी। सर्वोच्च न्यायालय, पंजाब और हरियाणा, दिल्ली और शिमला के उच्च न्यायालयों के प्रतिष्ठित न्यायाधीश और वकील, साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रसिद्ध शिक्षाविद, कार्यक्रमों के न्यायाधीश थे। लॉ फेस्ट में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के साथ-साथ बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा मान्यता प्राप्त सार्वजनिक और निजी विश्वविद्यालयों सहित देश भर के लॉ स्कूलों और कॉलेजों का प्रतिनिधित्व करने वाले 100 से अधिक प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। पूर्व उप महाधिवक्ता एडवोकेट दीपक जिंदल ने कानूनी शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। एचपीयू के लॉ स्कूल के डीन प्रोफेसर संजय सिंधु ने व्यावहारिक प्रदर्शन के लिए भारत में राष्ट्रीय कानून दिवस के महत्व पर जोर दिया। उत्सव के मुख्य अतिथियों में प्रोफेसर डॉ. संजय सिंधु, डॉ. दीपक जिंदल, राजीव चौहान, अधिवक्ता। -मनोज वर्मा, अधिवक्ता। राजपाल वर्मा, डॉ. पुष्पांजलि, डॉ. संतोष, डॉ. रुचि, डॉ. चंद्रिका, बिनीत सचदेवा, युग सिंघल, और दिल्ली पुलिस से किरण सेठी शामिल थे। समापन समारोह में चांसलर प्रो. पीके खोसला, प्रो-चांसलर विशाल आनंद और कुलपति प्रो. अतुल खोसला भी उपस्थित थे। कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला ने उभरते वकीलों के लिए एक उल्लेखनीय मंच प्रदान करने और उनके ज्ञान और कौशल को बढ़ाने के लिए कानूनी विज्ञान संकाय को बधाई दी। उत्सव के विजेताओं में शामिल हैं, मूट कोर्ट प्रतियोगिता: विजेता - एमिटी लॉ स्कूल, ग्वालियर, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन: विजेता - जीएच रायसोनी यूनिवर्सिटी, एमपी, केस कमेंटरी प्रतियोगिता: विजेता - इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, शिमला, जनहित याचिका प्रारूपण प्रतियोगिता: विजेता - एनएमआईएमएस, मुंबई, लेख लेखन प्रतियोगिता: विजेता - नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, महाराष्ट्र। लॉ फेस्ट के दौरान एक पुस्तक प्रदर्शनी का दूसरा संस्करण, जिसमें एचपी हैमिल्टन, एससीसी, लेक्सिस नेक्सिस, सीबीएस प्रकाशन, न्यू एज पब्लिकेशन, यंग ग्लोबल और स्मार्टबुक इंडिया जैसे प्रमुख प्रकाशन गृहों के बेस्टसेलर और ज्ञान बढ़ाने वाले प्रकाशनों का प्रदर्शन किया गया। द सेंटर फॉर क्लिनिकल लीगल एजुकेशन (सीसीएलई) की निदेशक डॉ. रेनू पाल सूद ने कहा, केंद्र दृष्टिकोण और कौशल विकसित करने, मूल्यों को स्पष्ट करने, नैतिक निर्णय लेने और क्लिनिकल सेटिंग में छात्रों के आत्मविश्वास और जिम्मेदारी को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करता है। प्रोफेसर नंदन शर्मा एसोसिएट डीन फैकल्टी ऑफ लीगल साइंसेज ने कहा कि स्कूल ऑफ लॉ कानूनी शिक्षा में उत्कृष्टता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और देश को गौरवान्वित महसूस कराने के लिए सर्वश्रेष्ठ न्यायाधीश और वकील तैयार करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। प्रोफेसर शर्मा ने सभी को संविधान दिवस की बधाई दी।
अटल शिक्षा कुंज स्थित प्रसिद्ध आईईसी यूनिवर्सिटी के फार्मेसी विभाग द्वारा "रोगी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फार्मासिस्टों से जुड़ें" थीम पर आधारित 62वें राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने अटल शिक्षा कुंज में उत्साहपूर्वक जागरूकता रैली निकाली, विश्वविद्यालय परिसर में औषधीय पौधे लगाए और साथ ही बेस्ट ऑफ वेस्ट और फेस आर्ट जैसी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला से प्रोफेसर सुरेश कुमार और एचडीएमए, राज्य अध्यक्ष, डॉ० राजेश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ० सुरेश कुमार ने 'फार्मासिस्ट होने पर गर्व है' विषय पर व्याख्यान दिया जो छात्रों के लिए बहुत जानकारीपूर्ण और इंटरैक्टिव था। उन्होंने छात्रों को फार्मासिस्ट के पेशे की बारीकियां समझाई और सभी छात्रों को भविष्य के अवसरों के लिए प्रोत्साहित किया। वहीँ डॉ० राजेश गुप्ता जी ने फार्मास्युटिकल औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित अपना महत्वपूर्ण ज्ञान छात्रों से साझा किया। यह छात्रों के लिए बहुत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर छात्रों ने नाटी, कविता और स्किट जैसे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किए गया।
कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में 25 नवम्बर से इंटर हॉउस खेलकूद स्पर्धाओं का शुभारंभ हुआ। इस दौरान पंजाब नेशनल बैंक कुनिहार के प्रबंधक प्रशांत शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ व विद्यालय की छात्राओं ने वंदे मातरम व स्वागत गीत से सभी का स्वागत किया। इस दौरान आज की खेलकूद स्पर्धाओं में 100 मीटर व 200 मीटर रेस ,पासिंग द बॉल, रिले रेस, थ्री लेग रेस, बेडमिंटन, फ्रॉग रेस, बैलून रेस, रिंग रेस व रस्सा कस्सी आदि प्रतियोगिताएं करवाई गई। कार्यक्रम में बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार के प्रधानाचार्य भूपेंद्र ठाकुर, विद्यालय एसएमसी अध्यक्ष कृष्ण चंद विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विद्यालय प्रधानाचार्य दीपिका शर्मा ने सभी मेहमानों का स्वागत किया व इस दो दिवसीय खेल कूद प्रतियोगिता का विवरण सबके समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि 26 नवम्बर को अभिभावकों की खेलकूद स्पर्धा भी करवाई जाएगी। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को हर एक खेल कूद स्पर्धा को पूरी लगन व जी जान से खेलने के लिये प्रेरित किया व सभी को अपने जीवन मे तय लक्ष्य के लिए कड़ी मेहनत करते हुए पाने के लिए प्रेरित किया। शर्मा ने अपनी ओर से खेलकूद प्रतियोगिता के लिये 21 हजार रु की राशि दी।
हिमाचल सतलुज सेवा ट्रस्ट द्वारा जिला सोलन के कुनिहार स्थित महाराजा पदमसिंह स्टेडियम में नारी शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस बारे में जानकारी देते हुए जिला संयोजिका मीनाक्षी ने बताया कि यह कार्यक्रम रविवार 26 नवम्बर को सुबह ठीक 10 बजे आरम्भ होकर अलग अलग सत्रों में शाम 3 बजे तक रहेगा। जिसमे पहले सत्र में मीनाक्षी चौहान अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षिका आर्ट ऑफ लिविंग एवं राष्ट्रीय योग प्रशिक्षिका सलाहकार, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा राज्य समिति हिमाचल प्रदेश सरकार मुख्यातिथि होंगी। उन्होंने बताया कि इस नारी शक्ति संगम कार्यक्रम द्वारा महिलाओं का समाज व राष्ट्र के प्रति वर्तमान व भविष्य में क्या योगदान रहा है,इस बारे में चिन्तन किया जाएगा ताकि महिलाओं को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का बोध हो सके। साथ ही महिलाओं के वर्तमान व भविष्य की समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में गहन चिन्तन होगा। उन्होंने जिला की सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार आगामी 72 घंटे में मौसम खराब होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दौरान ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। बर्फबारी का असर तापमान पर भी पड़ेगा। 26 नवंबर की शाम से प्रदेश में तेजी से तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है। बर्फबारी का यह असर किन्नौर, चंबा और कुल्लू जिलों में देखने को मिलेगा। जबकि मैदानी इलाकों में बादल छाये रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान कम विजिविल्टी होने की भी बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मौसम करवट बदलेगा और सोमवार को यैलो अलर्ट रहेगा। प्रदेश में 30 नवम्बर तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 26 नवम्बर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जो उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा और इसका असर हिमाचल में भी देखने को मिलेगा।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 9वें वार्षिक इंटर कॉलेज युवा महोत्सव का खिताब बागवानी कॉलेज ने अपने नाम किया। गुरुवार शाम को विश्वविद्यालय में चल रहे 9वें वार्षिक इंटर कॉलेज युवा महोत्सव के अंतिम दिन बागवानी महाविद्यालय, नौणी को समग्र विजेता घोषित किया गया। परिणाम तीन दिवसीय उत्सव के समापन सत्र के दौरान घोषित किए गए, जिसमें विभिन्न साहित्यिक, थिएटर, ललित कला और गीत और नृत्य कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय के सभी चार कॉलेजों की छात्रों ने भाग लिया। गुरुवार को सबसे प्रतीक्षित कार्यक्रम-ग्रुप डांस आयोजित किया गया। सभी कॉलेजों की टीमों के प्रदर्शन ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में वानिकी कॉलेज का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया और बागवानी कॉलेज दूसरे स्थान पर रहा। देशभक्ति गीत में बागवानी प्रथम तथा वानिकी महाविद्यालय द्वितीय स्थान पर रहा। लाइट वोकल्स में बागवानी कॉलेज के ओस और मोहित ने संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि वानिकी की हिमशिक्षा और थुनाग के दीपक दूसरे स्थान पर रहे। समूह गान में बागवानी की टीम प्रथम तथा वानिकी की टीम दूसरे स्थान पर रही। एकांकी नाटक में फॉरेस्ट्री कॉलेज ने बागवानी को हराकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि माइम में बागवानी की टीम ने फॉरेस्ट्री को हराकर पहला स्थान हासिल किया। स्किट में बागवानी कॉलेज पहले और नेरी दूसरे स्थान पर रहा। मोनो एक्टिंग में बागवानी कॉलेज की भारती और फॉरेस्ट्री के आशीष ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया, जबकि नेरी और फॉरेस्ट्री कॉलेज की अदिति और सिमरन दूसरे स्थान पर रहीं। तबला वादन के लिए 11 वर्षीय हेमंत और अपने मनोरंजक नृत्य के लिए थुनाग कॉलेज के दीपक को प्रशंसा पुरस्कार दिए गए। इस वर्ष पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया जिसे बागवानी महाविद्यालय के ऋषभ और अक्षिकता ने जीता। पुरस्कार कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल द्वारा प्रदान किये गये। इस अवसर पर उन्होंने देश की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रदर्शन करने के लिए सभी प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने पहाड़ों की लुप्त होती परंपराओं के बारे में जागरूकता पैदा करने और अपनी कला और प्रदर्शन के माध्यम से सामाजिक त्रुटियों के बारे में जागरूकता पैदा करने की छात्रों के प्रयासों की तारीफ की। इससे पहले डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ राजेश भल्ला ने यूथ फेस्टिवल की रिपोर्ट पेश और जजों और सभी कॉलेजों के छात्रों का मनोरंजन प्रस्तुतियों के लिए धन्यवाद दिया। डॉ. नरेंद्र भरत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी 25 नवम्बर को अर्की विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आ रहे हैं। संजय अवस्थी 25 नवम्बर को प्रातः 11.30 बजे ग्राम पंचायत पलानिया की राजकीय माध्यमिक पाठशाला बंगोरा के समीप लोगों की समस्याएं सुनेंगे। मुख्य संसदीय सचिव तदोपरांत दिन में 01.00 बजे ग्राम पंचायत खनलग में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र के भवन का लोकार्पण करेंगे। संजय अवस्थी तत्पशचात दोपहर 01.45 बजे ग्राम पंचायत खनलग में धारडूधार मेले में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहेंगे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 24 कल सोलन जिला के प्रवास पर आ रहे हैं। डॉ. शांडिल दिन में 2.30 बजे डुमैहर-आंजी में आयोजित छिंज मेला में मुख्यातिथि होंगे।
डीसी कार्यालय सोलन के सभागार में वीरवार को राजस्व अधिकारियों की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता डीसी मनमोहन शर्मा ने की। इस दौरान बैठक में एडीसी अजय यादव समेत सभी राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राजस्व संबंधी सभी मामलों को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। वहीं सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को लेकर किस तरह से जिला में कार्य किया जाना है, उसके बारे में भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि इंतकाल को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा बीते दिनों अभियान चलाया गया था, जिसके तहत जिला सोलन में बेहतर कार्य राजस्व अधिकारियों ने किया है। अब तकसीम के मामलों को लेकर प्रदेश भर में अभियान चलाया जाना है, इसको लेकर आज बैठक के दौरान चर्चा की गई है। इस अभियान में लोगों के जमीन विभाजन से संबंधित मामलों पर कार्य किया जाएगा। इसको लेकर आज अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द इसको लेकर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि इनमें लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने के लिए भी आज दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार भविष्योन्मुखी शिक्षा प्रदान करने की दिशा में कार्यरत है, ताकि हमारे छात्र भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें। संजय अवस्थी आज सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलेरा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्य संसदीय सचिव ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत सरली के जोबड़ी में 59.6 लाख रुपये लागत से निर्मित होने वाले राजकीय उच्च विद्यालय जोबड़ी के भवन, ग्राम पंचायत बलेरा के बैंज की हट्टी में 1.56 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा बलेरा में 27.2 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले बागवानी विस्तार केंद्र भवन का भूमि पूजन संपन्न किया। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी विद्यालयों में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर बल दे रही है। चरणबद्ध आधार पर विभिन्न विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएं आरंभ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को आईटीआई के माध्यम से ऐसे पाठ्यक्रम करवाए जा रहे है जो वर्तमान और भविष्य की मांग पूरी कर सकें। प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ड्रोन सेवा तकनीशियन के साथ इलेक्ट्रिक वाहन मैकेनिक और सौर ऊर्जा तकनीशियन पाठ्यक्रम आरंभ किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को ज्ञान अर्जित करना सीखना होगा क्योंकि ज्ञान ही वास्तविक शक्ति है जो मनुष्य को किसी भी प्रकार की परिस्थिति में आगे बढ़ना सिखाती है। उन्होंने अध्यापकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति के अनुरूप संस्कार प्रदान करें। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही युवा पीढ़ी को बेहतर नागरिक बना सकती है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि अपनी परम्पराओं और संस्कारों को आत्मसात करें। संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए कार्य कर रही है। विद्यालय स्तर पर जहां स्थापित किए जाने वाले राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल आदर्श बनकर उभरेंगे वहीं उच्च शिक्षा स्तर पर छात्रों को उनके घर-द्वार के समीप गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में शीघ्र ही सरकार की दूरगामी सोच के सकारात्मक परिणाम सामने होंगे। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा में अतिरिक्त चार कमरों के निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत साई एवं साथ लगते क्षेत्रों के लिए 2.25 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना का कार्य शीघ्र आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जुंडला में आयुर्वेदिक औषधालय स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 3100 रुपये तथा आयोजित समिति को 21 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय जोबड़ी के खेल मैदान के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल के विद्यार्थियों के लिए अपनी ओर से 2100 रुपये देने की घोषणा भी की। मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों को शैक्षणिक एवं खेल-कूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
शूलिनी विवि में बुधवार को एक समारोह में कंप्यूटर विज्ञान से डॉ. पंकज वैद्य, स्कूल ऑफ बायोइंजीनियरिंग एंड फूड टेक्नोलॉजी से डॉ. पंकज कुमार चौहान और लेखा विभाग से ईश्वर दास को बहुप्रतीक्षित प्रतिष्ठित गोल्डन रुद्राक्ष पुरस्कार 2023 से नवाजा गया। चयन प्रक्रिया में तीनों श्रेणियों में से प्रत्येक में पांच फाइनलिस्ट शामिल थे। नेतृत्व के लिए फाइनलिस्ट में डॉ. सौरभ कुलश्रेष्ठ, डॉ. नीरज गंडोत्रा और ब्रिगेडियर एस.डी. मेहता, डॉ. पूर्णिमा बाली और डॉ. पंकज वैद्य शामिल थे। संकाय श्रेणी में फाइनलिस्ट डॉ. चंद्र मोहन गुप्ता, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. विनय नेगी, डॉ. नमिता गंडोत्रा, और प्रोफेसर पंकज कुमार चौहान शामिल थे। पुरस्कार डॉ. पंकज कुमार चौहान को दिया गया। स्टाफ वर्ग में फाइनलिस्ट अंशुल, एलिस मंजू बक्सला, नीलम ठाकुर, ईश्वर दास और प्रेम भट्टी थे, जबकि ईश्वर दास विजेता बने। छात्र सहायता पुरस्कार शूलिनी विश्वविद्यालय की ई-यूनिव टीम को दिया गया और असिस्टेंट प्रोफेसर लोकेंद्र सिंह को ई-यूनिव स्टार परफॉर्मर पुरस्कार मिला। चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला, फाउंडेशन फॉर लाइफ साइंसेज एंड बिजनेस मैनेजमेंट की अध्यक्ष सरोज खोसला, प्रो-चांसलर विशाल आनंद और ऑनलाइन शिक्षा के अध्यक्ष, आशीष खोसला ने एक समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कारों का निर्धारण संकाय और स्टाफ सदस्यों द्वारा गोपनीय मतदान के माध्यम से किया जाता है जो नेतृत्व गुणों, शिक्षण उत्कृष्टता और असाधारण स्टाफ योगदान के आधार पर प्रतियोगियों का मूल्यांकन करते हैं। इस सम्मान का प्रतीक पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम आज़ाद द्वारा विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह के उद्घाटन दौरे के दौरान लगाए गए पेड़ से निकले गए रुद्राक्ष से बनी एक माला है। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान संकाय सदस्यों के लिए एक मनोरंजक प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया।
थाना कुनिहार के तहत मारपीट का एक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार निशा देवी निवासी गांव गमझून डाकघर हरिपुर ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है कि वह अपनी घासनी में घास काट रही थी तो उसने देखा कि इसके गांव की गीता की गाय उसकी घासनी में घुस गई थी। उसने गीता को समझाया तो गीता ने उससे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। तभी उसकी लड़की आ गई और दोनों ने मिलकर लातों-घूसों से उसकी पिटाई कर दी और दराटी से मारने लगीं। गीता देवी उसेे कहने लगी कि आज मैं तेरा मडर करूंगी। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस थाना कुनिहार प्रभारी फूल सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा शिकायत पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
सोलन के एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में 2 दिवसीय राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया। इसमें सोलन जिले के 6 ब्लॉकों से 450 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर डीआईआईटी के पूर्व प्रमुख डॉ. चंद्र मोहन शर्मा ने शिरकत की। वहीं, गत दिवस को बाल विज्ञान कांग्रेस का समापन समारोह हुआ। इस अवसर पर कांगे्रस सोलन ब्लॉक के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस मौके पर संजीव ठाकुर ने बाल विज्ञान कांग्रेस के आयोजन के लिए आयोजकों के प्रयासों को सराहा और छात्रों के प्रदर्शनों की प्रशंसा की। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने के लिए छात्रों को प्रेरित किया।
पाइनग्रोव स्कूल सोलन और सेंट सोल्जर पंचकुला ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 11 लाख का अंशदान दिया। हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष कई चरणों में प्रकृति का प्रकोप देखा गया। इस आपदा ने इस क्षेत्र को असहाय बना दिया, जिससे लोगों की संपत्ति और जीवन पर बहुत बुरा असर पड़ा। पाइनग्रोव स्कूल जिला सोलन और सेंट सोल्जर स्कूल पंचकुला के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह ने मानवीय सहायता के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 11,00,000 रुपये का चेक प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पाइनग्रोव स्कूल के हेड टीचर संजय चौहान और हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष संजय जी भी उपस्थित रहे। बता दें कि इस वर्ष निरंतर मानसून ने तबाही मचाई थी और हिमालयी राज्य हिमाचल प्रदेश को बुरी तरह से नष्ट कर दिया था, लेकिन अपनी खोई हुई महिमा को पुन: प्राप्त करने के लिए राज्य के पुनर्निर्माण के प्रयास के लिए राज्य के निवासियों की अदम्य भावना को दर्शाया गया है। राहत कोष में दिया गया अंशदान पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह का सराहनीय कदम है।
-कॉलेज की सरकारी मान्यता रद्द करने के विरोध में किया प्रदर्शन एसएफआई जिला कमेटी सोलन द्वारा आज सबाथू कॉलेज के बाहर चक्का जाम किया गया। यह चक्का जाम सबाथू कॉलेज की सरकारी मान्यता को रद्द करने के खिलाफ किया गया। एसएफआई का मानना है कि सबाथू कॉलेज 1979 को प्राइवेट कॉलेज के रूप में खुला था और 2022 को इस कॉलेज को सरकारी मान्यता दी गई थी। आज जब छात्र यहां पर पढ़ रहे हंै तो प्रदेश सरकार के द्वारा इसकी मान्यता रद्द कर दी गई। इससे यह साफ होता है कि सरकार सरकारी स्कूलों, कॉलेजों को बंद करने शिक्षा को प्राइवेट सेक्टर की ओर धकेलने का काम कर रही है। एसएफआई का मानना है कि सबाथू कॉलेज में छात्रों की संख्या 140 से अधिक है और यहां पर अभी तक सिर्फ 2 अध्यापक हैं। यहां पर प्रिंसिपल भी नहीं है। कॉलेज के छात्रों का भविष्य अंधकार की ओर धकेला जा रहा है। जहां पर सरकार को यहां पर अध्यापक की भर्ती करनी चाहिए थी, वहीं पर सरकार उल्टा कॉलेज की सरकारी मान्यता को खत्म करने में लगी है। इसका सबसे बड़ा कारण राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 है, जिसके तहत सरकार सभी सरकारी इंस्टीट्यूशन, जिनमें छात्रों की संख्या कम है, उसको बंद कर या प्राइवेट करने की कोशिश कर रही है, जिसका एसएफआई पूरी तरह विरोध करती है। एसएफआई इस धरना-प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से यह मांग करती है कि जल्द से जल्द सबाथू कॉलेज की सरकारी मान्यता को रद्द करने का अपना फैसला वापिस ले और अध्यापकों के रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरे।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, मशोबरा में बुधवार को कृषि उत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय कृषि उच्च शिक्षा परियोजना के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर 'मेरी माटी मेरा देश' विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें शिमला जिला के नौ स्कूलों के दसवीं से बारहवीं कक्षा के 120 विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने भाग लिया। इस मौके पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कृषि बागवानी में युवाओं के लिए स्वरोजगार का बहुत अवसर मौजूद है इसलिए हमारे युवाओं को कृषि को अपना प्राथमिक पेशा बनाने की ओर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने नौणी विश्वविद्यालय और मशोबरा केंद्र द्वारा कृषि उत्सव जैसे आयोजन करने की प्रशंसा की। कृषि बागवानी में शिक्षा, नौकरी के स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जागरूकता लाने की इस पहल की उन्होंने सराहना की। शिक्षा मंत्री ने हिमाचल में बागवानी के महत्व पर बात करते हुये है कहा कि इस क्षेत्र में अच्छे उद्यम स्थापित करने के अपार संभावनाएं हैं, जिसका हमारे युवाओं को ज्ञान होना चाहिए। इस अवसर पर डीन वानिकी डॉ. चमन लाल ठाकुर ने कहा कि युवाओं के बीच जागरूकता लाने के साथ साथ सर्वोत्तम प्रतिभाओं को कृषि क्षेत्र की लगातार बढ़ती गुणवत्तापूर्ण जनशक्ति आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आकर्षित करने के उद्देश्य से अग्री फेस्ट प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। केन्द्र के सह निदेशक डॉ. दिनेश सिंह ठाकुर ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया और मशोबरा केंद्र की प्रमुख गतिविधियों के बारे में प्रस्तुति दी तथा संयुक्त निदेशक (संचार) डॉ. अनिल सूद ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों के बारे में बताया और एडमिशन प्रक्रिया के बारे में अवगत करवाया। सभी छात्रों तथा शिक्षकों के लिए प्रयोगशालाओं तथा केन्द्र का भी दौरा करवाया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में राष्टीय विद्या केेेंद्र, कसुम्पटी की तारूषी ने पहला तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, ठियोग की शालिनी ने दूसरा तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, ढली के प्रिंस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शिक्षा मंत्री ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में सफल उद्यमी डॉ. जसबीर सिंह वजीर ने फूलों की खेती में अपना उद्यम स्थापित करने पर छात्रों को बताया। प्रगतिशील बागवान जोगिन्द्र सिंह कंवर तथा सुरेश कुमार के अलावा केंद्र के अन्य वैज्ञानिक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 9वें वार्षिक इंटर कॉलेज युवा महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित थिएटर कार्यक्रमों के दौरान छात्रों के प्रदर्शन से दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। फेस्ट के दूसरे दिन सभी कॉलेजों की टीमों ने वन-एक्ट प्ले, माइम, स्किट और मोनो एक्टिंग में प्रतिस्पर्धा की। मंगलवार को शुरू हुए युवा महोत्सव का उद्देश्य छात्रों का समग्र विकास करना है और इसमें विश्वविद्यालय के चार घटक कॉलेजों के लगभग 350 छात्र भाग ले रहे हैं। पहले दिन आयोजित कार्यक्रमों के परिणाम आज घोषित किए गए। ऑन स्पॉट पेंटिंग में कॉलेज ऑफ फॉरेस्ट्री की तानिया जसरोटिया और इरम कुरैशी ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। रंगोली में थुनाग के अखिलेश शर्मा प्रथम रहे, जबकि वानिकी महाविद्यालय की ईशा नेगी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। कोलाज मेकिंग में वानिकी महाविद्यालय की मुस्कान ठाकुर प्रथम, थुनाग की दीया ठाकुर दूसरे स्थान पर रहीं। पोस्टर मेकिंग में कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर की शीतल प्रथम और थुनाग की अनन्या बेनल दूसरे स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में बागवानी महाविद्यालय की सिया ने प्रथम स्थान, नेरी की आकांक्षा कौंडल और वानिकी महाविद्यालय की सिरिशा चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद में बागवानी महाविद्यालय की सुमिता और महक ने क्रमश: प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एक्सटेम्पोर में नेरी की आकांक्षा कौंडल पहले स्थान पर रहीं, जबकि शैफाली शर्मा दूसरे स्थान पर रहीं।
एसोसिएशन फॉर कंप्यूटिंग मशीनरी (एसीएम) के शूलिनी यूनिवर्सिटी चैप्टर का बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में अतिथि वक्ता ग्रीनविच विश्वविद्यालय, लंदन की प्रोफेसर डॉ. सामिया खान थीं, जो ऑनलाइन मोड के माध्यम से जुड़ीं। उन्होंने चैप्टर के लॉन्च की सराहना की और कहा कि यह एक रोमांचक यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्किंग और सहयोग में अध्याय का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्धता जताई। आईहब शूलिनी के समन्वयक और एसीएम छात्र चैप्टर के संकाय सलाहकार प्रोफेसर दीपक कुमार ने दुनिया के सबसे बड़े कंप्यूटिंग समाज के रूप में एसीएम की स्थिति पर प्रकाश डाला। प्रो. कुमार ने संयुक्त गतिविधियों के लिए आईहब शूलिनी के साथ चैप्टर के सहयोग की भी घोषणा की, जिससे शिक्षा और उद्योग के बीच सम्बन्ध को और मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला ने प्रतिभागियों के कौशल को बढ़ाने के लिए अनुसंधान-उन्मुख गतिविधियों और कार्यक्रमों के आयोजन में एसीएम की भूमिका पर जोर दिया। शूलिनी विश्वविद्यालय में नवाचार और शिक्षण के निदेशक प्रोफेसर आशीष खोसला ने एसीएम समुदाय के भीतर प्रचुर संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से तकनीकी प्रगति में सबसे आगे स्थित जेनेरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परिवर्तनकारी क्षमता पर प्रकाश डाला। प्रोफेसर वीरेंद्र रिहानी, डीन स्कूल इंजीनियरिंग शूलिनी यूनिवर्सिटी ने छात्रों को एसीएम स्टूडेंट चैप्टर और इसकी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। सीएसई (वाईएसएआईसीडीएस) के सहायक प्रोफेसर और एसीएम स्टूडेंट चैप्टर के संकाय प्रायोजक डॉ. अरविंद शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। उन्होंने एसीएम स्टूडेंट चैप्टर के सलाहकार के रूप में निरंतर समर्थन के लिए मुख्य शिक्षण अधिकारी डॉ. आशु खोसला का आभार व्यक्त किया। डॉ. शर्मा ने भारत में 170 से अधिक स्थानीय अध्यायों और 35 विशेष रुचि समूहों के साथ एसीएम की वैश्विक उपस्थिति के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी 23 नवंबर को अर्की विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आ रहे हैं। अवस्थी प्रात: 10.30 बजे ग्राम पंचायत सरली के जोबड़ी में राजकीय उच्च विद्यालय जोबड़ी के भवन की आधारशिला रखेंगे। 11.00 बजे ग्राम पंचायत बलेरा के बैंज की हट्टी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की आधारशिला रखेंगे। प्रात: 11.45 बजे ग्राम पंचायत बलेरा के बागवानी विस्तार केंद्र भवन की आधारशिला रखेंगे। तत्पश्चात राजकीय वरिष्ठ प्राथमिक पाठशाला बलेरा में वार्षिक पारितोषिक वितरण एवं वार्षिक समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
-22 से 28 नवंबर तक चलने वाले शिविर में 53 स्वयंसेवी ले रहे भाग राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुनिहार में आज सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर गोविंद ठाकुर सेवानिवृत्त शारीरिक अध्यापक मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे। प्रधानाचार्य बीएस ठाकुर ने मुख्यातिथि को टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। एनएसएस प्रभारी लीलाशंकर ने मुख्यातिथि व अन्य मेहमानों का कार्यक्रम में पहुंचने पर धन्यवाद किया व एनएसएस के महत्व तथा उद्देश्य को साझा करते हुए सात दिनों का विवरण सबके समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि 22 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस शिविर में 53 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरी से स्वयंसेवकों की दिनचर्या आरंभ होगी, जिसमें गोद लिए गांव पुलहाड़ा, प्राकृतिक स्त्रोत खटनाली, सिविल अस्पताल कुनिहार व विद्यालय के आसपास साफ सफाई तथा पूरे कुनिहार बाजार में स्वयंसेवियों द्वारा जागरूकता रैली व प्रतिदिन शाम आरती व भजन संध्या का कार्यक्रम रहेगा। उन्होंने बताया कि अलग अलग विभागों से स्त्रोत व्यक्तियों द्वारा सवसेवियों को विभिन्न जानकारियां भी इस शिविर के दौरान प्रदान की जाएंगी। इस मौके पर स्वयंसेवियों ने देश भक्ति गीत, कविता व अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूल प्रधानाचाय ने सभी को अनुशासन में रहते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, मुख्यातिथि गोविंद ठाकुर ने स्वयंसेवियों को प्रोत्साहित करते हुए शिविर में आने वाले स्त्रोत व्यक्तियों से उनके विचारों को ग्रहण करने व समाज के प्रति अपना दायित्व समझते हुए समाज उत्थान में कार्य करने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम आयोजन के लिए अपनी ओर से 3100 रुपये आयोजको को भेंट किए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बीएस ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष रणजीत ठाकुर, एनएसएस प्रभारी लीला शंकर, उप प्रधान हाटकोट पंचायत रोहित जोशी, वार्ड सदस्य रक्षा शर्मा, महेंद्र राठौर, दुर्गानंद शास्त्री, सुधीर गर्ग, कमलेश,रीता, कविता मिश्रा, सुरजीत कौर, भूपेंद्र कौशिक, राजेश, किरण बाला आदि मौजूद रहे।
-विश्वविद्यालय के चारों कॉलेजों के करीब 350 छात्र ले रहे भाग डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में आज तीन दिवसीय इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। छात्रों के समग्र विकास के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के चारों कॉलेज-बागवानी कॉलेज, वानिकी कॉलेज, बागवानी और वानिकी कॉलेज, नेरी और बागवानी और वानिकी कॉलेज थुनाग के करीब 350 छात्र भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल ने प्रत्येक छात्र को पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ पाठ्येतर गतिविधियों में भाग लेने की आवश्यकता पर बल दिया जिसका छात्रों के समग्र व्यक्तित्व निर्माण में बहुत बड़ा योगदान होता है। प्रोफेसर चंदेल ने कहा कि पाठ्येतर गतिविधियां विश्वविद्यालय पाठ्यक्रम का एक अभिन्न अंग हैं और यूथ फेस्टिवल एक ऐसा मंच है जहां छात्र अपनी हॉबीस का विकास कर सकते हैं जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से सभी प्रतियोगिताओं को खेल भावना के साथ भाग लेने का आग्रह किया। मार्च पास्ट में सभी कॉलेजों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसके बाद विद्यार्थियों को तानिया जसरोटिया द्वारा खेल भावना की शपथ दिलाई गई। डीन स्टूडेंट्स वेलफ़ैर डॉ राजेश भल्ला ने बताया कि यूथ फेस्टिवल में ललित कला, साहित्य, रंगमंच, नृत्य और संगीत श्रेणियों में व्यक्तिगत और सामूहिक कार्यक्रम होंगे। मंगलवार को फाइन आर्ट्स कैटेगरी में ऑन स्पॉट पेंटिंग, कोलाज व पोस्टर मेकिंग व रंगोली मेकिंग इवेंट हुए। साहित्यिक आयोजनों में भाषण, वाद-विवाद और एक्स्टेंपोर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न आयोजनों में कॉलेजों द्वारा प्राप्त कुल अंकों के आधार पर समग्र विजेता घोषित किया जाएगा।
-स्वास्थ्य मंत्री ने कंडाघाट में आयोजित एग्री फेस्ट में की शिरकत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि आधुनिक युग में कृषि क्षेत्र को उन्नत बनाने के लिए तकनीक को खेत तक पहुंचाया जाना आवश्यक है। डॉ. शांडिल आज सोलन जिला के कंडाघाट में राष्ट्रीय कृषि उच्च शिक्षा परियोजना के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र में एग्री फेस्ट (बागवानी एवं वानिकी शिक्षा मेला) को संबोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि हमारा राज्य एक कृषि प्रधान राज्य है। आधुनिक युग में विज्ञान ने कृषि क्षेत्र को सुलभ और उपज में वृद्धि के लिए कई आविष्कार किए हैं। उन्होंने कहा कि यह उन्नत तकनीक जब तक खेतों तक नहीं पहुंचेंगे तब तक किसान लाभान्वित नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि इस दिशा में कृषि वैज्ञानिकों और तकनीक के जानकारों को मिलकर कार्य करना होगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में व्यावसायिक एवं योजनाबद्ध कार्य से आत्मनिर्भर बनकर आर्थिकी को मज़बूत बनाया जा सकता है। तकनीक के विकास से कृषि क्षेत्र में रोज़गार की अपार संभावनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी को वर्षों की मेहनत से अर्जित कृषि तकनीक के ज्ञान को गांव-गांव तक पहुंचना चाहिए ताकि कृषकों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सोलन सब्जी मण्डी में स्थानीय स्तर पर उत्पादित कृषि, बागवानी एवं अन्य उत्पादों की बिक्री के लिए विक्रय केन्द्र खोला जाएगा ताकि कृषक लाभान्वित हो सकें। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर प्रदर्शनी लगाने वाले तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली बच्चों को सम्मानित किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के उप कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व में हल द्वारा की जानी वाली कृषि अब कृषि आधुनिक यंत्रों के माध्यम से हो रही है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में युवाओं के लिए रोज़गार के भरपूर अवसर उपलब्ध हैं। कृषि महोत्सव में 20 विद्यालयों के लगभग 250 बच्चों ने भाग लिया। एग्री फेस्ट का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र की जानकारी प्रदान करना है। कृषि महोत्सव में स्कूली बच्चों और प्रगतिशील किसानों को उन्नत खेती के बारे में भूमि की तैयारी, बीज बोने से लेकर पौधों के पोषण, सुरक्षा और कटाई के बाद भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाएं रखने के बारे विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। धारों की धार के प्रगतिशील किसान उद्यमी करण सिंह ठाकुर तथा एमेजॉन सीड्स के संस्थापक उमेश महाजन ने छात्रों को कृषि-बागवानी उद्यम स्थापित करने के बारे में अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों द्वारा 'भारतीय कृषि-कमी से अधिशेष तक की यात्राÓ विषय पर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया।
शूलिनी के छात्र स्वयंसेवक समुदाय पर सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए प्रतिबद्ध हैं, एक हालिया पहल में शूलिनी विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने परिसर के पास मंझोली और ताटूल गांवों के छात्रों में अपना समय निवेश किया। छात्रों में सीखने का माहौल बनाने के लिए शैक्षणिक और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। एक क्विज जबरदस्त रूप से सफल रही, इसमें बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई, जिन्होंने अपनी ऊर्जा और उत्साह को सामने ला दिया। स्टोन पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया, जिसमें प्रत्येक पत्थर अद्वितीय और जीवंत विचारों का कैनवास बन गया। आयोजनों का मुख्य आकर्षण वृक्षारोपण अभियान था, जहां छात्र और शिक्षक बच्चों के साथ जुड़े और हमारे जीवन में पौधों के महत्व के बारे में मूल्यवान जानकारी प्रदान की। छात्र कल्याण अधिष्ठाता पूनम नंदा ने छात्रों के लिए ऐसी गतिविधियों के महत्व को व्यक्त किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ये व्यावहारिक अनुभव जीवन कौशल सिखाते हैं, सहानुभूति को बढ़ावा देते हैं और दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने का मूल्य सिखाते हैं।
-राज्यपाल ने सोलन में की केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि हाल ही में हिमाचल में आई आपदा के समय सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने आपदा राहत कार्यों में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से हिमाचल प्रदेश आपदा से उभरकर पुन: विकास पथ पर अग्रसर हुआ है। राज्यपाल आज सोलन में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। शुक्ल ने नशे की बुराई समाप्त करने के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे पर नियंत्रण के लिए जन-जन को सहभागी बनाना होगा जिसके लिए ग्राम स्तर तक जागरूकता उत्पन्न करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सोलन जिला को शिक्षा का हब माना जाता है और यहां जिला एवं पुलिस प्रशासन को युवाओं को नशे से दूर रखने में अधिक सक्रिय रहने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य सोलन जिला में क्रियान्वित की जा रही योजनाओं की समीक्षा के माध्यम से प्रगति पथ को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि जिले का बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र प्रदेश का औद्योगिक एवं फार्मा हब है। यहां उत्पादित की जा रही दवाओं की गुणवत्ता विश्व स्तरीय मानकों पर खरी उतरनी चाहिए। उन्होंने उपायुक्त सोलन को प्रदेश के इस फार्मा हब में उत्पादित की जा रही दवाओं की गुणवत्ता नियंत्रण का अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जिला में आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को बेहतर आवागमन के लिए सुचारू बनाया जाए। हिमाचल प्रदेश में आने वाले पर्यटकों से सोलन जिला भी लाभान्वित होता है और इस दिशा में सड़कों का रख-रखाव महत्वपूर्ण है। शुक्ल ने निर्देश दिए कि विभिन्न केन्द्रीय प्रायोजित योजनाओं के कार्य समयबद्ध पूर्ण किए जाएं ताकि केन्द्र सरकार से धनराशि समय पर प्राप्त होती रहे। उन्होंने जिला में राज्य सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने विभिन्न केन्द्रीय प्रायोजित योजनाओं की जिला स्तर पर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। समीक्षा बैठक में अवगत करवाया गया कि सोलन जिला में विभिन्न केन्द्रीय प्रायोजित योजनाओं के अंतर्गत 90 प्रतिशत से अधिक के कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। समीक्षा बैठक में आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना, इंदिरा गांधी बालिका सुरक्षा योजना, तपेदिक मुक्त भारत, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, विभिन्न कृषि योजनाओं, ई-राष्ट्रीय कृषि व्यापार योजना, विभिन्न केन्द्रीय प्रायोजित कल्याण योजनाओं, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी अधिनियम, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित अन्य केंद्र प्रायोजित योजनाओं पर सारगर्भित चर्चा की गई।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 नवंबर को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत सोलन के कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड सोलन के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 23 नवंबर को प्रात: 10 बजे से सायं 4 बजे तक आईटीआई, पराशर परिसर, चिल्ड्रन पार्क, पुराना उपायुक्त कार्यालय, माल रोड़ (पुराना उपायुक्त कार्यालय चौक से मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आवास तक), अमर होटल, सिटी प्लाजा, हिमानी होटल, पैरागॉन होटल, हिमालयन पाईप, सिंगला नर्सिंग होम, सेर क्लीन, क्लीन, सन्नी साईड, अमित अपार्टमेंट, डी.ए.वी स्कूल सन्नी साईड, वेदांता मॉल, गर्ल्स स्कूल, सुंदर सिनेमा, पुराना पावर हाउस मार्ग, माननीय जिला न्यायालय एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति तथा अन्य कारणों से उपरोक्त तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
-हाटकोट के सुभाष चंद शर्मा ने थाने में दर्ज करवाया मारपीट का मामला -डायल गांव का विक्की पर लगाया मारपीट करने का आरोप थाना कुनिहार के तहत मारपीट का मामला सामने आया है। हाटकोट निवासी सुभाष चंद शर्मा ने कुनिहार थाने में मामला दर्ज करवाया कि वह अपने साथी अनिल कुमार के साथ जाडली में अमर चंद के ढाबे में उससे अपने पैसे लेने के लिए गया था तो वहां डायल गांव का विक्की पहुंच गया व उसके साथ बहस करने लगा। विक्की ने इसकी गाड़ी को रोककर उसके साथ मारपीट की तथा उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। लहुलूहान अवस्था में सुभाष चंद को उसके दोस्तों ने सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे शिमला रेफर कर दिया है। सुभाष के सिर पर 8 टांके लगे हैं। पुलिस ने थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि प्रभारी थाना कुनिहार फूल सिंह ने की है।
-मनाली में हिमाचल एकता मंच के कार्यक्रम में मिला सम्मान जिला कुल्लू के मनाली में आयोजित हिमाचल एकता मंच के कार्यक्रम शान-ए-भारत में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रजत कपूर को राष्ट्रीय पुरस्कार शान-ए-भारत से सम्मानित किया गया। बता दें कि रजत कपूर जिला कांगड़ा पालमपुर के रहने वाले हैं और अभी हाल ही में दुबई में आयोजित इंटरनेशन पावरलिफ़्िटंग चैंपियनशिप 2023 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जिसमें रजत कपूर ने अपने भार वग र्(67) में खेल कर भारत की झोली में 2 गोल्ड मेडल डाले। रजत कपूर ने इससे पहले भी बहुत सी प्रतियोगिताओं में खेल कर हिमाचल और देश के लिए से मेडल जीते हुए हैं। हिमाचल एकता मंच की ओर से आयोजित शान-ए-भारत कार्यक्रम वन्य प्राणी सूचना केंद्र सभागार मनाली में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि बतौर बेटियां फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. ज्योत्सना जैन, विशेष अतिथि प्रांजल जैन व हिमाचल एकता मंच के अध्यक्ष दीपलाल भारद्वाज उपस्थित रहे। इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ. ज्योत्सना जैन ने विभूतियों को सम्मानित किया। हिमाचल एकता मंच की तरफ से आयोजित शान-ए-भारत कार्यक्रम में देश भर से विभूतियों मनाली पहुंची थी। इसमें एडवोकेट छविंद्र ठाकुर, मुंबई से अभिनेता धर्मेंद्र ठाकुर, जम्मू से निदेशक निशा गुप्ता, निर्देशक प्रभू नेगी, रमेश बासरा, विनोद भारद्वाज, लाहौल-स्पीति प्रभारी से सुमन कारपा, कृष्णा, मधूवाला आदि अनेक विभूतियों को सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि शिक्षा ऐसा आभूषण जो व्यक्ति को समाज में अलग पहचान दिलाने में अहम है। डॉ. शांडिल गत देर सायं सोलन के सोलन पब्लिक स्कूल के 5वें वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि शिक्षा युवा को भविष्य का बेहतर नागरिक बनाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा युवा पीढ़ी को ज्ञान और संस्कार देकर मुश्किल समय में आगे बढ़ना सिखाती है। इस दिशा में अभिभावकों और अध्यापकों को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अध्यापकों को यह सुनिश्चित बनाना होगा कि विद्यार्थी सीखी गई शिक्षा को अपने जीवन में उतारें। डॉ. शांडिल ने कहा कि समारोह बच्चों के आत्मविश्वास को मज़बूत बनाते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल-कूद गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व में निखार लाकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करती हैं। उन्होंने आशा जताई कि आज का कार्यक्रम बच्चों में नए रुचि को सीखने की जिज्ञासा लाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। ले. जनरल (सेवानिवृत्त) एसबी सेहज पाल इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव राहुल ठाकुर, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, मनोनीत पार्षद पुनीत नारंग, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव कुनाल सूद, रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, लोकेंद्र शर्मा, संधीरा धोल्टा, अजय कंवर, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य किरण सेहज पाल, पंजाब स्वास्थ्य सेवा के सेवानिवृत्त निदेशक गुरप्रीत सिंह संधु, सोलन पब्लिक स्कूल की प्रबंध निदेशक प्रीति कुमार, उपमंडलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सोलन पब्लिक स्कूल के अध्यापक, छात्र व अभिभावक उपस्थित थे।
जिला सोलन के पाइनग्रोव स्कूल सूबाथू में लड़कियों के लिए चयन परीक्षा 17 दिसंबर को सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी। याद रहे पाइनग्रोव स्कूल पिछले कई वर्षों से जिला सोलन की छात्राओं को चयनित कर रहा है और कुछ छात्राएं आज भी स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। परीक्षा में भाग लेने के लिए छात्रा हिमाचल प्रदेश, जिला सोलन की स्थाई निवासी होनी चाहिए। यह योजना हिमाचल प्रदेश जिला सोलन के परिवारों में एक उम्मीद की किरण ला सकती है। छात्रा प्रथम कक्षा से ही सरकारी पाठशाला में पढ़ रही हो। छात्रा की आयु 10 वर्ष होनी चाहिए तथा वर्तमान में पांचवीं कक्षा में पढ़ रही हो। प्रत्येक वर्ष चयन परीक्षा के आधार पर दो सर्वश्रेष्ठ छात्राओं को पाइनग्रोव स्कूल सूबाथू में प्रवेश दिया जाता है। इन छात्राओं को पाइनग्रोव स्कूल द्वारा नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। पाइनग्रोव स्कूल सीबीएसई, आईपीएससी, आईएवाईपी और एनसीसी, बिट्रिश काउंसिल आई एस ओ 9001-2000 से प्रमाणित है। पाइनग्रोव स्कूल न केवल हिमाचल प्रदेश का अपितु देश के प्रतिषिठत स्कूलों में से एक है, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों से डटकर मुकावला करने के लिए तैयार किया जाता है। पाइनग्रोव स्कूल ने डीसी सोलन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को सूचित किया है कि वह अपने बलबूते पर सोलन की लड़कियों की सहायता कर रहे हैं और अनेक लडकियां अपनी योग्यता, कला, गुणों से संपन्न तो हैं ही परंतु आर्थिक समस्या के कारण उन्हें अच्छे विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने का अवसर नहीं मिलता है। पाइनग्रोव स्कूल जिला सोलन की लडकियां जो पढ़ाई में होशियार हो उनको अपने स्कूल जिला सोलन में शिक्षा देने की जिम्मेवारी इस वर्ष भी लेने की रूचि प्रस्तुत की ह। यदि सोलन जिला की लड़कियों की सहायता की जाए तो वे जीवन में अच्छी नौकरी प्राप्त करके अपने उद्देश्य में सफल हो सकती हैं। पाइनग्रोव स्कूल पहले से ही समाज सेवा करने में जुटा है, ताकि उन लड़कियों के माता-पिता और हिमाचल प्रदेश को गर्व महसूस करने का अवसर दे सके।


















































