-मंत्री ने ठोडो मैदान में लड़कियों की अंडर-19 खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाने वाली खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखार कर उन्हें उच्च स्तर का खिलाड़ी बनाने में सहायक सिद्ध होती हैं। डॉ. शांडिल आज यहां ऐतिहासिक ठोडो मैदान में लड़कियों की 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की 64वीं राज्य स्तरीय लघु खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में सभी 12 जिलों एवं एक खेल छात्रावास की 538 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल, शतरंज और बैडमिंटन खेल आयोजित किए गए। डॉ. शांडिल ने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि जीत और हार को समझकर जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि इन्हीं खिलाड़ियों में से भविष्य के राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उभरेंगे। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है और युवाओं को अंतिम लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सतत प्रयत्नशील रहना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खेल हमें मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि युवा, योग एवं व्यायाम को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं और नशे से सदैव दूर रहें। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई देते हुए आशा जताई कि भविष्य में ऐसे और अधिक आयोजन खिलाड़ियों को सशक्त मंच प्रदान करेंगे। उन्होंने आयोजन समिति को अपनी एच्छिक निधि से 11000 रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की। डॉ. शांडिल ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। ये रहे विजेता और उप विजेता शतरंज में हमीरपुर जिला प्रथम और सोलन ज़िला द्वितीय स्थान पर रहे। बैडमिंटन में कांगड़ा जिला प्रथम और शिमला जिला द्वितीय स्थान पर रहे। खो-खो में सोलन ज़िला पहले तथा हमीरपुर ज़िला दूसरे स्थान पर रहे। कबड्डी में सोलन ज़िला पहले तथा सिरमौर ज़िला दूसरे स्थान पर रहे। वालीबॉल में शिमला पहले तथा कांगड़ा ज़िला दूसरे स्थान पर रहे। वालीबॉल की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेल छात्रावास जुब्बल विजेता रहा। कबड्डी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सोलन जिला विजेता रहा। मार्च पास्ट में ज़िला मंडी प्रथम तथा ज़िला किन्नौर द्वितीय स्थान पर रहा। ओवरऑल चैंपियन का खिताब सोलन जिला को प्रदान किया गया।
-3 घंटे के भीतर इंजेक्शन लगा दिया जाए तो स्वस्थ हो जाता है रोगी -कहा, सभी जिला स्तरीय अस्पतालों में नि:शुल्क उपलब्ध है यह इंजेक्शन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि स्ट्रोक (पक्षाघात) जैसे गंभीर रोग के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है, ताकि सभी इस रोग के कारण और निवारण के विषय में जागरूक हो सकें। डॉ. शांडिल आज एमएस पंवार संचार एवं प्रबंधन संस्थान, सोलन में इस विषय पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यशाला का आयोजन अली यावर जंग नेशनल इंस्टीच्यूट आफ स्पीच एवं हियरिंग डिस्एबिलिटीज तथा एमएस पंवार संचार एवं प्रबन्धन संस्थान, सोलन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। डॉ. शांडिल ने कहा कि चिकित्सा जगत के अनुसार स्ट्रोक जैसे रोग में समय अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्ट्रोक की स्थिति में रोगी को तुरंत अस्पताल पहुंचाना आवश्यक है। यदि रोगी को 3 घंटे के समय के भीतर इस रोग के उपचार के लिए उपलब्ध इंजेक्शन लगा दिया जाए तो रोगी को स्वस्थ किया जा सकता है। यह इंजेक्शन प्रदेश के सभी जिला स्तरीय अस्पतालों में नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि स्ट्रोक जैसे रोग में रोगी को समय पर अस्पताल पंहुचाना और तुरंत उपचार उपलब्ध करवाना जीवनदायक सिद्ध होता है। लोगों को स्ट्रोक के लक्षणों एवं उपचार बारे जागरूक करें स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि विभिन्न स्तरों पर मेलों इत्यादि के आयोजन में लोगों को स्ट्रोक के लक्षणों, उपचार एवं समय के मूल्य के विषय में जागरूक बनाएं। उन्होंने कहा कि सावधानी में ही बचाव है और ऐसे विषयों में जन जागरूकता में मीडिया का रोल अत्यन्त महत्वपूर्ण है। पक्षाघात वैश्विक स्तर पर दिव्यांगता का एक प्रमुख कारण है। आंकड़ों के अनुसार 90 प्रतिशत मामलों में इससे बचा जा सकता है। इससे संबंधित कुछ जोखिम कारकों को कम करके इसे नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने ऐसी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित ध्यान एवं योग का आग्रह किया। डॉ. शांडिल ने स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सम्बद्ध विभागों से आग्रह किया कि वह स्ट्रोक से बचाव के प्रचार-प्रसार के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार करें और लोगों में अपना संदेश पहुंचाने के लिए रेडियो, टेलीविजन सहित सोशल मीडिया प्लेटफार्म का भी समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाएं। अली यावर जंग नेशनल इंस्टीच्यूट आफ स्पीच एवं हियरिंग डिस्एबिलिटीज़ के मास मीडिया प्रमुख डॉ. मैथ्यू मार्टिन ने इस एक दिवसीय कार्यशाला की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साई संजीवनी अस्पताल के प्रमुख डॉ. संजय अग्रवाल ने सरल शब्दों में स्ट्रोक के कारण, निवारण और इस रोग के प्रबन्धन में त्वरित कार्यवाही की जानकारी प्रदान की। उन्होंने मोबाईल एप 'एचपी टेली स्ट्रोकÓ की जानकारी भी प्रदान की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल ने कहा कि चेहरे में बदलाव, बोलने में परेशानी, हाथ-पैर में सुन्नपन अथवा कमज़ोरी, सिर दर्द जैसे लक्षण होने पर अविलम्ब अपने समीप के अस्पताल जाएं ताकि समय पर उपचार आरम्भ हो सके। उन्होंने कहा कि रक्तचाप एवं मधुमेह जैसी बीमारियों के नियमित परीक्षण से स्ट्रोक सहित अन्य गम्भीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिला में गैर संक्रामक रोगों की स्क्रीनिंग के लिए घर-घर जाकर जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने इन टीमों को सहयोग देने का आग्रह किया।
-पंजाब के तीन व्यक्ति गिरफ्तार, 7 मोबाइल फोन व 2 लैपटॉप जब्त सोलन पुलिस ने कनाडा का वीजा लगाने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को इस सेंटर की संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूत्रों से सचूना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने 27 अक्तूबर को धर्मपुर अस्पताल रोड पर अवैध रूप से चलाए जा रहे इस कॉल सेंटर में रेड डाली। यहां एक बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल में एमएस/ स्टोन इंटरप्राइज प्रोप. गुरप्रीत सिंह निवासी बंठिडा, पंजाब के नाम पर थ्री रूम सेट 14 जून से किराये पर ले रखा था। कॉल सेंटर में 3 लड़के मौजूद थे, जोकि बठिंडा के रहने वाले हैं। तीनों से थ्री रूम सेट किराये पर लेकर काम करने बारे पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वे तीनों कनाडा जाने के इच्छुक लोगों का वीजा लगाने का काम करते हैं। इसके लिए उन्होंने 7 मोबाइल फोन व 2 लैपटॉप रखे हैं तथा इस काम के लिए 4 स्थानीय लड़कियों को भी रखा हुआ है। इस कार्य के लिए सरकार द्वारा कोई रजिस्ट्रेशन नहीं करवाई है। वहीं, पुलिस द्वारा 7 मोबाइलों व 2 लैपटॉप को कब्जे में ले लिया गया है। अभी तक की जांच में पाया गया कि इन आरोपियों ने हजारों लोगों से संपर्क स्थापित किया और इनके पास से बरामद की गई पांच नोटबुक्स में 600 से ज़्यादा लोग ऐसे पाये गये, जिनसे करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने तीनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ ने आज महाजन भवन सेक्टर 37 चंडीगढ़ में सभी समाज के व्यक्तियों को एकत्रित कर समरसता युक्त हिंदू समाज अपना दृष्टिकोण संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें कार्यक्रम अध्यक्ष बलजीत सिंह संधू आईपीएस, पूर्व डीजीपी हरियाणा, मुख्य अथिति डॉ. देव सिंह अद्दति धर्मगुरु योगी छोटू नाथ मिया मंडल वाले, प्रेम शम्मी अध्यक्ष उत्तर भारत अनुसूचित जन जाति भलाई संगठन, मुकेश जी खांडेकर उत्तर क्षेत्रीय संगठन मंत्री, पंजाब प्रांत मंत्री सुनील, पंजाब प्रांत संगरक्षक कर्नल धर्मवीर और विनायक राय देशपांडे और केंद्रीय संगठन मंत्री विश्व हिंदू परिषद का विशेष रूप से उद्धोधन प्राप्त हुआ। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री अंकुश गुप्ता ने बताया कि इस पहल में सभी उपस्थिति प्रमुखों ने जुड़ाव और सभी पंथों, मठों के प्रमुखों ने यह संकल्प बढ़ाया है कि हम सभी जात बिरादरी, भेदभाव को मिटा कर एकता बनाकर सनातन का प्रचार करेंगे। इस मौके पर विभाग मंत्री प्रदीप शर्मा ने कार्यक्रम अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह भेंट कर धन्यवाद किया। इस कार्यक्रम में विहिप से विशेष रूप से चंडीगढ़ विभाग मंत्री प्रदीप शर्मा, जिला मंत्री अंकुश गुप्ता, उपाध्यक्ष दविंदर सिद्धू, बजरंगदल संयोजक राकेश उप्पल, गो रक्षा सहमंत्री पंजाब प्रांत अनुज कुमार सहगल, कोषाध्यक्ष राकेश चौधरी, विद्यार्थी प्रमुख संयम, राजन, सुरक्षा प्रमुख गौरव, मनदीप, सुनील बागड़ी, रविंद्र, अलका, अनूप सरीन, राकेश शर्मा, दीपक शर्मा एवं विभिन्न समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
एसआईएसलिआरटीए बिलासपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाईजर के 100 पदों को भरने के लिए 31 अक्तूबर एवं प्रथम नवंबर को कैम्पस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाईज़र के 50 पदों को भरने के लिए 31 अक्तूबर को उप रोज़गार कार्यालय अर्की में प्रात: 10.30 बजे तथा सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाईज़र के 50 पदों को भरने के लिए प्रथम नवंबर को उप रोज़गार कार्यालय कसौली में प्रात: 10.30 बजे कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उक्त पदों की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक विभागीय पोर्टल EEMIs पर लॉगइन कर सकते हैं।
-स्वास्थ्य मंत्री ने प्रेस क्लब सोलन की भूमि का किया निरीक्षण स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि पत्रकारों द्वारा समय-समय पर आयोजित की जाने वाली खेलकूद प्रतियोगिताएं जहां एक और लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को तनाव मुक्त करती हैं, वहीं उन्हें अपने कार्य में और दक्ष बनाती हैं। डॉ. शांडिल आज यहां जिला पत्रकार संघ सोलन द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट लीग के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज को सही दिशा दिखाने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान में पत्रकार प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन को जागरूक रखने के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन मानसिक दबाव को कम कर शारीरिक स्फूर्ति कायम रखने में सहायक सिद्ध होते हैं। डॉ. शांडिल ने कहा कि मीडिया आज सभी के लिए ज़रूरी है। मीडिया न केवल सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पंहुचाने में सहायक बनता है अपितु आमजन की फीडबैक सरकार तक पंहुचाकर नीतियों को अधिक जनहितैषी बनाने में भी सराहनीय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि सदैव सत्य का साथ दें और कल्याणकारी नीतियों को सरल कर जन-जन तक पंहुचाएं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं और सरकार पत्रकारों से समयबद्ध एवं दबावरहित फीडबैक की अपेक्षा रखती है। उन्होंने आयोजन के लिए पत्रकार संघ को बधाई दी और आशा जताई कि भविष्य में भी ऐसी गतिविधियां नियमित रूप से आयेजित होती रहेंगी। उन्होंने ज़िला पत्रकार संघ सोलन को अपनी एच्छिक निधि से 31,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं और श्रेष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। डॉ. शांडिल ने तदोपरांत प्रेस क्लब सोलन के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया और उपायुक्त सोलन को दूरभाष पर प्रेस क्लब भवन निर्माण की औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। ज़िला काग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार, जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी, खण्ड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, मनोनीत पार्षद विजय ठाकुर, रजत थापा, पुनीत नांरग, प्रथम बटालियन एनसीसी सोलन के कर्नल संजय शांडिल, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, ग्राम पंचायत सलोगड़ा के पूर्व प्रधान लक्ष्मी दत्त शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, पत्रकार संघ सोलन के अध्यक्ष विशाल वर्मा, मुख्य सलाहकार ज्ञान सुमन, अन्य पदाधिकारी, सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
करोड़ों रुपये के क्रिप्टो करेंसी फ्रॉड केस में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी ने हमीरपुर जिले में विभिन्न 21 ठिकानों पर दबिश दी है। एसआईटी ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, कंप्यूटर, बैंक डिटेल समेत अन्य संपत्तियों की जांच की है। अधिकारी रिकॉर्ड को खंगाल रहे हैं। पुलिस विभाग और वन विभाग में सेवारत कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से भी पूछताछ की है। भोलेभाले लोगों को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर क्रिप्टो करेंसी में आरोपियों ने निवेश करवाया था। आरोपियों के पास आलीशान घर, लग्जरी गाड़ियां देखकर एसआईटी भी हैरान है।
-प्रदेश सचिवालय में भी गैर फॉर्मल कपड़े पहनने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई -प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा ने जारी किया सर्कुलर प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा ने एक सर्कुलर जारी किया है, जिसके अनुसार हिमाचल प्रदेश सचिवालय समेत सरकारी दफ्तरों में अधिकारी और कर्मचारी अगर जीन, टी-शर्ट या अन्य गैर फॉर्मल कपड़े पहनकर आए तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। प्रदेश हाईकोर्ट और अन्य अदालतों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों को फॉर्मल ड्रेस पहनकर ही जाना होगा। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वर्दी पहन कर ही कार्यालय में आना होगा। सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश उच्च न्यायालय ने वर्ष 2017 में इस संबंध में निर्देश जारी किए थे। उसके बाद कार्मिक विभाग ने सभी विभागों को दिशा-निर्देश तैयार कर जारी किए थे, जिसमें ड्रेस कोड के बारे में जानकारी दी थी। इसमें स्पष्ट किया था कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी उपयुक्त, औपचारिक, साफ और अच्छे दिखने वाले और सही रंग के कपड़े पहनकर ही सरकारी दफ्तर में आएंगे। वे उच्च न्यायालय या अन्य अदालतों में उपस्थित होते हुए भी फॉर्मल और सही तरीके के कपड़े पहनेंगे। इस सर्कुलर के अनुसार हालांकि यह ध्यान में आया है कि इन निर्देशों की ठीक से अनुपालना नहीं की जा रही है। यही नहीं, प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी सही कपड़ों में नहीं पहुंच रहे हैं। उनके लिए पहले से ही वर्दी तय है। अधिकारियों और कर्मचारियों के कपड़े पहनने का अंदाज कार्यालय की व्यावसायिकता, गंभीरता और अनुशासन की शैली को भी प्रदर्शित करता है। ऐसे में राज्य सचिवालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी इन निर्देशों की अनुपालना करें। अगर इस संबंध में किसी भी तरह की कोताही बरती जाती है तो ऐसे में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कंडक्ट रूल्स में प्रावधान होने की भी बात की गई। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में केवल वही वर्दी नहीं पहनेंगे, जिन्हें इससे पहले अनिवार्य नहीं किया गया है।
-कहा, आईटीआई में ड्रोन तकनीक सहित आर्टिफिशियल इटेंलीजेंस के पाठ्यक्रम किए जा रहे शुरू स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि मेले, उत्सव एवं त्योहार हमारी सभ्यता के परिचायक हैं। डॉ. शांडिल गत सायं सोलन विकास खंड की ग्राम पंचायत सलोगड़ा में आयोजित तीन दिवसीय श्री ब्रिजेश्वर देव मेला के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय ब्रिजेश्वर देव मंदिर में पूजा-अर्चना की और सभी के सुख, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की। डॉ. शांडिल ने कहा कि भविष्य का सुखद आधार इतिहास से निर्मित होता है और संस्कृति का संरक्षण इतिहास की जानकारी में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने समृद्ध इतिहास, विविध संस्कृति और परंपराओं की जानकारी प्रदान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं का सदैव सम्मान करें ताकि भावी पीढ़ी इनसे सीख सके। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ-साथ हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को सदैव सहेज कर रखना है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि कुश्ती, कबड्डी और ठोडा जैसे पारम्परिक खेलों का नियमित अभ्यास करें। डॉ. शांडिल ने कहा प्रदेश सरकार युवाओं को समय की मांग के अनुसार बेहतर व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ड्रोन तकनीक सहित आर्टिफिशियल इटेंलीजैंस के पाठ्यक्रम आरम्भ किए जा रहे हैं। यह पाठ्यक्रम न केवल युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के लिए तैयार करेंगे अपितु स्वरोज़गार के भी बेहतर अवसर प्रदान करेंगे। सोलन ज़िला के चिन्हित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में भी यह पाठ्यत्त्म आरम्भ किए जाएंगे। डॉ. शांडिल ने कहा कि क्षेत्र की सभी विकास सम्बन्धी मांगों को चरणबद्ध आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन सलोगड़ा के निर्माण की औपचारिकताएं पूर्ण होने पर 05 लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने मेला समिति को अपनी एच्छिक निधि से 11,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर कुशती और ठोडा खेल का आयोजन भी किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गीता राम महाजन ने इस अवसर पर डॉ. शांडिल को आपदा राहत कोष के लिए अपनी और से 21,000 रुपए का चैक भेंट किया। जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, ज़िला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष शिव कुमार, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, संगीता ठाकुर, पूजा, मनोनीत पार्षद रजत थापा, विजय ठाकुर, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव लोकेन्द्र शर्मा एवं कुनाल सूद, ग्राम पंचायत सलोगड़ा की प्रधान एव मेला समिति की प्रधान सरोज चौहान, ग्राम पंचायत जौणा जी की प्रधान जयवन्ती, बीडीसी सदस्य संजय शर्मा, युवा कांग्रेस के ज़िला महासचिव जय प्रकाश, ग्राम पंचायत सलोगड़ा के पूर्व प्रधान लक्ष्मी दत्त शर्मा, जोगिन्द्रा बैंक के पूर्व अध्यक्ष मोहन मैहता, अजय कंवर, संधीरा दुल्टा, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
-शूलिनी विश्वविद्यालय में हुआ पहला राष्ट्रीय मार्वल मीडिया उत्सव स्कूल ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशंस, शूलिनी यूनिवर्सिटी ने अपने पहले राष्ट्रीय मार्वल मीडिया फेस्ट-2023 की सफलतापूर्वक मेजबानी की, जो शनिवार को संपन्न हुआ। दो दिवसीय कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई संस्थानों ने भाग लिया और मीडिया के क्षेत्र में विविध प्रतिभाएं एक साथ आईं और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने समग्र विजेता के रूप में रनिंग ट्रॉफी हासिल की। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, चितकारा विश्वविद्यालय, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (जीएनडीयू) और शूलिनी विश्वविद्यालय सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने छात्रों के कौशल और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लिया। छात्रों ने फोटोग्राफी, एंकरिंग, डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण, विज्ञापन, फोटो कैप्शनिंग, क्विज, मोबाइल पत्रकारिता, रेडियो जॉकींग, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्किट परफॉर्मेंस, डिजिटल आर्ट और पोस्टर डिजाइन जैसे कई प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया। मीडिया उत्सव शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रोफेसर पी के खोसला के एक संबोधन के साथ शुरू हुआ, जिसमें समाज में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया। प्रो. चांसलर विशाल आनंद ने कहा कि शूलिनी विश्वविद्यालय में पहले राष्ट्रीय मार्वल मीडिया फेस्ट के उद्घाटन ने मीडिया और संचार के क्षेत्र में रचनात्मकता और उत्कृष्टता को बढ़ावा देते हुए भविष्य के कार्यक्रमों के लिए एक उच्च मानक स्थापित किया है। विशेष आमंत्रित सदस्य, शूलिनी विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय मामलों के मुख्य सलाहकार, संजीव अरोड़ा ने छात्रों को मीडिया पेशे में ईमानदारी और कड़ी मेहनत के मूल्यों को बनाए रखने और क्षेत्र में प्रतिष्ठित पदों के लिए प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया। हिमाचल लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष, अनुभवी पत्रकार के एस तोमर मुख्य अतिथि थे, और धारावाहिक उद्यमी और लेखक कुणाल नंदवानी समापन कार्यक्रम के सम्माननीय अतिथि थे। केएस तोमर ने उभरते पत्रकारों के लिए दृढ़ता, प्रतिबद्धता और मिलनसार भावना सहित आवश्यक गुणों पर प्रकाश डालते हुए मूल्यवान अंतर्दृष्टि साझा की। उन्होंने स्रोतों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया और अहंकार को पत्रकारिता में सफलता में बाधा बताते हुए इस से दूर रहने की सलाह दी। स्कूल ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशन के निदेशक प्रो.विपिन पब्बी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। पूरे परिसर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन बाहरी न्यायाधीशों शाश्वत कौशल, मिशा बाजवा चौधरी, ललित शर्मा, विवेक मोहन, नेहा शर्मा, जोशुआ कंवर, विवेक अत्रे, शिखा सूद, अमित रे, अविन शर्मा और कुणाल नंदवानी के पैनल द्वारा किया गया। और शूलिनी विश्वविद्यालय के निर्णायक आशू खोसला, नीरज कुमार, निष्ठा आनंद, इंदु नेगी और अंकुर बशर थे। शूलिनी विश्वविद्यालय में नवाचार और प्रौद्योगिकी के अध्यक्ष आशीष खोसला ने सफलता के लिए तैयारी के महत्व पर जोर दिया, जबकि सम्मानित अतिथि कुणाल नंदवानी ने निष्ठा आनंद के साथ एक आकर्षक फायरसाइड चैट के दौरान एआई और ऑटोमेशन की विकसित दुनिया में मूल्यवान अंतर्दृष्टि प्रदान की। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ऐड मैड, मोजो, थिएट्रिकल एक्ट, रेडियो जॉकी, क्विज़, स्क्रिप्ट द पिक्चर और बैंग बैंग फोटो कैप्शन, डिजिटल आर्ट और पोस्टर मेकिंग सहित कई कार्यक्रमों में विजेता बनी। शूलिनी यूनिवर्सिटी ने डॉक्यूमेंट्री में पहला स्थान हासिल किया, जीएनडीयू ने एंकरिंग में और चितकारा यूनिवर्सिटी ने फोटोग्राफी और स्टैंड अप कॉमेडी में जीत हासिल की। कार्यक्रम का समापन शूलिनी विश्वविद्यालय की ट्रस्टी और निदेशक श्रीमती निष्ठा शुक्ला आनंद के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिन्होंने मार्वल मीडिया फेस्ट को शानदार सफलता दिलाने वाले सभी प्रतिभागियों, समन्वयकों और योगदानकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और छात्रों को लाभ के लिए ऐसे व्यावहारिक ज्ञान कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन चरित हमें सत्य एवं परिश्रम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। डॉ. शांडिल आज सोलन के धोबीघाट में महर्षि वाल्मीकि सुधार समिति द्वारा आयोजित ध्वजारोहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना कर सभी के सुख और समृद्धि की कामना की। डॉ. शांडिल ने सभी को महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण जैसी कालजयी कृति की रचना कर विश्व को अनुपम भेंट दी। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने समस्त मानव जाति को सत्य का मार्ग अपनाकर ईश्वर प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हम सभी को महर्षि वाल्मीकि का सन्देश जीवन में अपनाना चाहिए और यह प्रयास करना चाहिए कि हमारे कार्यों से जन-जन का कल्याण सुनिश्चित हो। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्र में शीघ्र ही एंबुलेंस मार्ग का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने सामुदायिक भवन के अतिरिक्त निर्माण कार्य के लिए 3 लाख प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि सुधार समिति को अपनी एच्छिक निधि से 11,000 रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर अवगत करवाया गया कि धोबीघाट के 43 आवासों में नगर निगम द्वारा बिजली के मीटर लगाऐ जाएंगे। जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद गण सरदार सिंह ठाकुर, संगीता ठाकुर, पूजा, मनोनीत पार्षद रजत थापा, विजय ठाकुर, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, खंड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव लोकेंद्र शर्मा एवं कुनाल सूद, अजय कंवर, संधीरा दुल्टा, महर्षि वाल्मीकि सुधार समिति के अध्यक्ष सोहन वीर, उपमण्डलाधिकरी सोलन कविता ठाकुर, अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
-निगम के प्रबंध निदेशक बोले, केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध सोलन जिला में स्थापित सभी धान खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल ने गत सायं सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल के मलपुर एवं नालागढ़ धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण करने के उपरांत दी। राजेश्वर गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि किसानों को अपनी धान की फसल विक्रय करने के लिए किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसानों से खरीदे गए धान की अदायगी सीधा किसानों के खाते में 48 घंटे के भीतर की जा रही है। अभी तक सोलन ज़िला के धान खरीद केंद्रों में 2820 मीट्रिक टन धान की खरीद निगम द्वारा की गई है। प्रबंध निदेशक ने मलपुर एवं नालागढ़ धान खरीद केंद्रों में खरीद व्यवस्था का जायज़ा लिया और उपस्थित किसानों से बातचीत की। राजेश्वर गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने इस अवसर पर कृषि उपज विपणन समिति एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि समिति एवं विभाग द्वारा किसानों की सुविधा के लिए सराहनीय प्रयास किए गए हैं। उन्होंने इस अवसर पर निर्देश दिए कि धान की खरीद के उपरान्त उससे चावल बनाने की प्रक्रिया में तेज़ी लाई जाए। राजेश्वर गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार धान से चावल बनाने के उपरान्त उसे फोर्टीफाई किया जा रहा है ताकि लोगों को चावल में निर्धारित पोषक तत्व मिलाकर उपलब्ध करवाए जा सकें। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल ने धान केंद्रों में उपस्थित किसानों से धान खरीद के सम्बन्ध में फीडबैक प्राप्त की। किसानों ने खरीद पर संतोष व्यक्त किया और सरकार के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सोलन क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक वीरेंद्र कुमार आजाद एवं निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
-साक्षी ने आईसीएआर की परीक्षा में पहला तो मिताली बनी वैज्ञानिक डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के सिल्विकल्चर और एग्रोफोरेस्ट्री विभाग से एमएससी उत्तीर्ण कर चुकी छात्रा साक्षी तोमर ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा वानिकी के विषय के लिए आयोजित आईसीएआर-एआईसीई-जेआरएफ/एसआरएफ-2023 परीक्षा में देश भर में शीर्ष रैंक हासिल किया है। इसके अतिरिक्त साक्षी ने वानिकी में पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए यूपी राज्य पात्रता परीक्षा में भी पहला स्थान हासिल किया है। साक्षी ने सिल्विकल्चर और एग्रोफोरेस्ट्री विभाग के प्रोफेसर और विभाग अध्यक्ष डॉ. डीआर भारद्वाज की मागदर्शन में अपनी मास्टर डिग्री पूरी की है। इसी विभाग की पीएचडी छात्रा मिताली मेहता को भारतीय वानिकी अनुसंधान और शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई), देहरादून में वैज्ञानिक-बी के पद पर चयन हुआ है। मिताली को असम के जोरहाट स्थित रेन फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट में नियुक्ति मिली है। मिताली ने नौणी से बीएससी और पीएचडी की डिग्री पूरी की है। मिताली ने डॉक्टरेट की पढ़ाई डॉ. केएस पंत के मार्गदर्शन में पूरी हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल, वानिकी महाविद्यालय के डीन डॉ. सीएल ठाकुर और एसएएफ विभाग के वैज्ञानिकों और छात्रों ने साक्षी और मिताली को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
-सैंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन ने मनाया वार्षिक समारोह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि विकसित राष्ट्र के लिए युवाओं का उचित रूप से शिक्षित होना आवश्यक है। डॉ. शांडिल गत सांय सैंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन के वार्षिक समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सोलन के शहीद कैप्टन संजय चौहान की माता निर्मला चौहान को सम्मानित भी किया। डॉ. शांडिल ने कहा कि शिक्षा हमें प्रत्येक परिस्थिति में धैर्य के साथ आगे बढ़ना सिखाती है। उन्होंने कहा कि महान दार्शनिक अरस्तू ने शिक्षा के विषय में कहा था कि 'विद्या अच्छे दिनों का गहना और बुरे दिनों का सहारा है।Ó उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि शिक्षा के माध्यम से भविष्य को सुरक्षित रखते हुए कठिन समय में अपने लक्ष्य की और निरन्तर आगे बढ़ा जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों के जीवन को आकार देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अध्यापकों को छात्रों के उत्थान के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सैंट ल्यूक्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल सोलन को देश-विदेश में अच्छी शिक्षा के लिए जाना जाता है। उन्होंने शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए विद्यालय प्रबन्धन एवं छात्रों को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार छात्रों को बेहतर नागरिक बनाने की दिशा में कार्यरत रहेगा। नशे से सदैव दूर रहें छात्र डॉ. शांडिल ने छात्रों से आग्रह किया कि नशे से सदैव दूर रहें। उन्होंने इस अवसर पर अपने सैन्य जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए आशा जताई कि युवा भारतीय सेना की गौरवशाली परम्परा को सदैव स्मरण रखेंगे। स्वास्थ्य मन्त्री ने इस अवसर पर सैंट ल्यूक्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल सोलन के भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त मार्ग के निर्माण के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 3 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया। विद्यालय के छात्रों द्वारा इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद गण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव लोकेंद्र शर्मा एवं कुनाल सूद, रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, साहिल शर्मा, संधीरा दुल्टा, सैंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन के प्रबंधक फादर पी. सहायराज, प्रधानाचार्य सिस्टर लवीना पिंटो, अन्य गणमान्य व्यक्ति, अध्यापक तथा छात्र उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने गत देर सांय महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस शोभा यात्रा का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह आयोजन हमें सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का सन्देश प्रदान करता है। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर वाल्मीकि वर्ग सुधार समिति सोलन को अपनी एच्छिक निधि से 21,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा की। जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद गण, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, कांग्रेस के जगमोहन मल्होत्रा, विनेश धीर, कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी, वाल्मीकि वर्ग सुधार समिति सोलन के अध्यक्ष प्रेम चन्द मट्टू, अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटि में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गयाI स्कूल प्रवक्ता गोपाल शर्मा ने बताया की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटि में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया, जिसमें शरनजीत कौर एसबीआई शाखा प्रबंधक पट्टा बरोरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कीI इनके साथ जगदीश भारद्वाज सेवा निवृत प्रधानाचार्य पाठशाला कोटि, अमर प्रकाश सेवा निवृत प्रवक्ता इतिहास पाठशाला कोटि ने वशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत कीI इस अवसर पर प्रधानाचार्या उपासना सूद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटि ने मुख्य अतिथि, वशिष्ट अतिथि और अन्य को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित कियाI स्कूली बच्चों द्वारा नाटी, भांगड़ा, सस्वती वंदना इत्यादि कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और जिला स्तरीय कला उत्सव के लिए चयनित छात्रा सृष्टि परिहार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटि ने भी अपनी प्रस्तुति दीI इस अवसर पर प्रधानाचार्या व मुख्य अतिथि ने कक्षा छठी से कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों को शिक्षण व अन्य क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों के लिए सम्मानित कियाI इस अवसर पर एस एम सी अध्यक्षा राधा देवी ने भी अपने विचार साँझा किये I
पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में 22 अक्तूबर से खेले जा रहे अंडर 13 बॉयज़ इन्विटेशनल क्रिकेट टॉर्नमेंट का विधिवत समारोह हुआ। समारोह में जिला सोलन के उपायुक्त आईएएस श मनमोहन शर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। ज्ञात हो कि इस इन्विटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट में आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई, द बिशप कॉटन स्कूल शिमला, मेयो कॉलेज अजमेर, द पंजाब पब्लिक स्कूल नाभा, द लॉरेंस स्कूल सनावर और पाइनग्रोव स्कूल की टीमों ने भाग लिया इन टीमों ने एक दूसरे के साथ अनेक लीग मैच खेले। हैड ऑफ स्पोर्ट्स मिस्टर सुरेन्द्र मेहता एवम पाइनग्रोव स्कूल के क्रिकेट कोच मिस्टर कुशल ठाकुर से मिली जानकारी के अनुसार लीग मैचों के पश्चात सर्वाधिक अंकों के आधार पर मेयो कॉलेज अजमेर और पाइनग्रोव स्कूल के मध्य फाइनल मैच खेला गया। पाइनग्रोव स्कूल ने सेमी फाइनल में बिशप कॉटन स्कूल शिमला को हराकर फाइनल में प्रवेश किया । 25 अक्तूबर को दोनों टीमों से मुख्य अतिथि के औपचारिक परिचय के पश्चात टॉस हुआ। मेयो कॉलेज अजमेर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। ओपनिंग बल्लेबाजो को पूरे जोश और विश्वास के साथ पिच पर उतारा गया। मेयो कॉलेज अजमेर ने निर्धारित 20 ओवरों में 106 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में स्कोर का पीछा करते हुए पाइनग्रोव स्कूल की टीम ने चार विकटें खोकर 106 रनों का लक्ष्य प्राप्त कर मैच को जीत लिया और इस मैच की‘चैम्पियन्स ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता। पाइनग्रोव स्कूल के दक्ष धर्मा को बैस्ट विकेट कीपर, मेयो कॉलेज अजमेर के नरून को अपकमिंग प्लेयर, पाइनग्रोव स्कूल के जयंत सिंह खत्री को बैस्ट बोलर, मेयो कॉलेज अजमेर के रायांश तुली को बैस्ट बैट्समैन, पाइनग्रोव स्कूल के रजत चौधरी को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक और पाइनग्रोव स्कूल के दक्ष शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। पारितोषिक वितरण समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि ने विजेता टीम, व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी एवम पाइनग्रोव स्कूल को U-13 बॉयज़ इन्विटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट 2023 के सफल आयोजन के लिए सराहा । पाइनग्रोव स्कूल के अन्य अधिकारी एवं कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह मुख्य अतिथि के साथ उपस्थित रहे।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में सात दिवसीय एनएसएस वार्षिक शिविर का शुभारम्भ किया गयाI इस सात दिवसीय एन एस एस वार्षिक शिविर के अवसर पर मुख्यअतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने विधिवत पूर्वक ध्वजारोहण करके सात दिवसीय एनएसएस वार्षिक शिविर का शुभारम्भ किया I इस अवसर पर मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, प्रधानाचार्य पुरषोतम लाल गुलेरिया भी विशिष्ट अतिथि के रूम में मौजूद रहे I यह शिविर 25 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक चलेगा, जिसमें 31 स्वयंसेवक भाग ले रहे है I कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। उसके उपरान्त स्वयंसेवकों द्वारा एनएसएस गान प्रस्तुत किया गया I एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा और पुर्शोतम लाल गुलेरिया ने मुख्यातिथि को एनएसएस कैंप, बैच और समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया I विद्यालय के समस्त अध्यापक वर्ग ने भी एनएसएस वार्षिक शिविर के शुभारम्भ पर सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी I इस शिविर के शुभारम्भ पर एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा सांकृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गयेI मंच का संचालन करते हुए सुमन देवी ने मुख्यअतिथि, विशिष्ट अतिथि व अन्य सभी का स्वागत किया I इस अवसर पर अध्यापक वर्ग में निधि जोशी, कमलेश , वंदना व् मोनिका ठाकुर भी मौजूद रहें I
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 26 से 28 अक्तूबर तक सोलन के प्रवास पर रहेंगे। कर्नल डॉ. शांडिल 26 अक्तूबर को प्रात: 11.00 बजे सोलन विकास खंड की ग्राम पंचायत जौणाजी के बालूघाटी में मां काली मेला के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। इसके बाद 12:05 बजे ग्राम पंचायत जौणाजी के द्राह में सामुदायिक भवन की दूसरी मंजिल का लोकार्पण करेंगे। डॉ. शांडिल इसी दिन सांय 03.00 बजे पुरानी कचहरी सोलन में प्रकट दिवस शोभायात्रा में मुख्य अतिथि होंगे। श्रम एवं रोजगार मंत्री 27 अक्तूबर को सांय 03.00 बजे सोलन के एतिहासिक ठोडो मैदान में 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की लड़कियों की खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। डॉ. शांडिल इसी दिन सांय 05.00 बजे सैंट ल्यूक्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल सोलन के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। स्वास्थ्य मंत्री 28 अक्तूबर को प्रात: 11:30 बजे सोलन के धोबीघाट में महर्षि वाल्मीकि सुधार समिति द्वारा आयोजित ध्वजारोहण समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। इसके बाद दिन में 01:00 बजे ग्राम पंचायत सलोगड़ा में ब्रिजेश्वर मेला समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
जिला सोलन अराजपत्रित कर्मचारी संघ के चुनाव खंड विकास अधिकारी लोकेंद्र चौहान की अध्यक्षता में करवाए गए। यह चुनाव निर्वाचन अधिकारी पीसी मस्ताना सेवानिवृत्त अधीक्षक ग्रेड-1 के द्वारा संपन्न करवाए गए। इस चुनाव में जिला के सभी विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से जयदेव शर्मा अधीक्षक शिक्षा विभाग अर्की को संघ का प्रधान बनाया गया। इसके अलावा वरिष्ठ उप प्रधान ओंकार सिंह स्वास्थ्य विभाग बद्दी, महासचिव दीपक ठाकुर जिलाधीश कार्यालय सोलन, उप प्रधान सुनील कुमार उद्यान विभाग सोलन, कोषाध्यक्ष परमिंदर वर्मा एसडीएम कार्यालय अर्की को बनाया गया। इसके बाद बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 27 अक्तूबर को प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के चुनाव में बढ़ चढ़कर भाग लेकर त्रिलोक ठाकुर का समर्थन करेंगे।
कहा, नवगांव में विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य के लिए 1.60 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है और युवाओं को अपनी संस्कृति तथा लोकाचार की जानकारी देना हमारा कर्तव्य है। संजय अवस्थी गत दिवस सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सन्याड़ी मोड़ के गांव मंगरूड में दशहरा मेला को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि दशहरा का यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि नवगांव में विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य के लिए 1.60 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य उप केन्द्र मंगरूड के निर्माण के लिए उच्च स्तर पर मामला उठाया जाएगा। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत मंगरूड में 2.5 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन नेहरू जागृति क्लब कुईरू खाला का लोकार्पण किया। उन्होंने प्रारूप के अनुसार सामुदायिक भवन के लिए अतिरिक्त राशि देने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने युवा जागृति क्लब को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। संजय अवस्थी ने तदोपरांत ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में दशहरा उत्सव में भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का त्यौहार हमें धर्म के साथ जीवन में सत्व के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेलों में विजेता रहे खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में शिमला विजेता तथा दाड़लाघाट उप विजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता में नम्होल विजेता तथा धुन्दन उप विजेता रहे। इस अवसर पर पंचायत समिति कुनिहार की अध्यक्षा सोमा कौंडल, खण्ड कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष रविकांत पाठक, युवा कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष हेमन्त वर्मा, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तकनीकी समिति के अध्यक्ष विनोद कंवर, ग्राम पंचायत सन्याड़ी मोड़ के प्रधान शंकर लाल, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान हेम राज, धर्मपाल ठाकुर, मनोज ठाकुर, सुमन ठाकुर, हेमराज ठाकुर, नरेश अवस्थी, दाड़लाघाट दशहरा मेला समिति के प्रधान राजेश गुप्ता, नेहरू जागृति क्लब कुईरू खाला के प्रधान भगत राम ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
भारतीय राज्य पेंशन कर्मचारी महासंघ कुनिहार इकाई की बैठक इकाई अध्यक्ष आरपी जोशी की अध्यक्षता में की गई, इसमें हिमाचल सरकार से पिछला 8 प्रतिशत एरियर और बकाया एरियर, मेडिकल बिल की अदायगी की मांग की गई। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के एचआरटीसी कर्मचारियों के बकाया राशि और समय पर पेंशन का भुगतान दीपावली से पहले करने के आदेश पारित करने की मांग भी सरकार से उठाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि भविष्य में प्रत्येक माह पांच तारीख को मासिक बैठक होगी, इसमें सभी उपस्थित रहे। किसी कारण तय तिथि में बैठक नहीं होगी, तो यह बैठक अगले दिन निश्चित होगी। हर बैठक में पेंशनरों की समस्याओं व हितों बारे चर्चा कर रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में कुनिहार इकाई के जगदीश चंद, ओपी गर्ग, श्यामा नंद शांडिल्य, गोपाल शर्मा, भगवान सिंह, सुशील शर्मा, भवानी सिंह, राजेंद्र धीमान, सोहन लाल शर्मा, चेत राम, कमलेश कुमारी, एसपी शर्मा आदि उपस्थित रहे।
श्रीराम का किरदार निभा रहे गौरव ने किया रावण का दहन सांसद सुरेश कश्यप ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत कुनिहार में दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया। इस दौरान श्रीराम का किरदार निभा रहे गौरव ने मैदान में बनाए गए रावण के पुतले का दहन किया। दशहरा उत्सव में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की व भाजपा सोलन जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। पंचायत हाटकोट प्रधान जगदीश अत्रि व उपप्रधान रोहित जोशी ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा दशहरा कमेटी द्वारा रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, इसमें रुद्रम डांस ग्रुप सोलन के कलाकारों ने एक से एक शानदार प्रस्तुति दी। इसके अलावा नन्ही कलाकार ओजश्वनी ठाकुर ने अपने डांस व विरासत कला मंच के बच्चों ने कथक की सुंदर प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही बटोरी। मुख्यातिथि ने दशहरा उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि इस बार का दशहरा भी ऐतिहासिक है और अगले वर्ष का दशहरा भी ऐतिहासिक होगा, क्योंकि रामलला अपने मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। सांसद ने क्षेत्रवासियों की मांग पर राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में मंच के लिए दो लाख, हाटकोट सामुदायिक भवन के लिए अतिरिक्त राशि साढ़े तीन लाख व कुनिहार पंचायत के महाराजा पदमसिंह स्टेडियम में हाईमास्क लाइट के लिए दो लाख रुपये सांसद निधि से देने की घोषणा की। इसके अलवा आयोजकों को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये दिए। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल, प्रदेश महिला मोर्चा सचिव प्रतिभा कंवर, रमेश ठाकुर, राकेश ठाकुर, राजेन्द्र जोशी, गोपाल शर्मा, कौशल्या कंवर, देवेन्द्र तनवर, प्रदीप पूरी, रक्षा व पूजा आदि मौजूद रहे।
सोलन/कसौली। एमआर मेमोरियल कॉन्वेंट स्कूल पीली मंडोरी, फतेहाबाद, हरियाणा में 22 से 24 अक्तूबर तक खेली जा रही सीबीएसई की 16वीं वालीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता में कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सनवारा की अंडर-19 गर्ल्स वालीबॉल टीम ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की है। कीपस ने अपना पहला मैच स्प्रिंगफील्ड कॉन्वेंट स्कूल कुरूक्षेत्र से 25-17 व 25-15 के स्कोर से जीता। दूसरे मैच में कीपस की इस टीम ने दून वैली पब्लिक स्कूल नालागढ़ को 25-10 और 25-17 से हराया। इसी तरह शाह सतनाम सिरसा से तीसरा मैच भी कीपस ने 24-26, 25-22 व 25-09 के स्कोर से जीता। चौथे मैच में कीपस ने एमआर मेमोरियल कॉन्वेंट स्कूल से 25-08, 25-22 स्कोर से हमारी टीम ने विजय प्राप्त की। वहीं पांचवें मैच में गीता आदर्श स्कूल सोलन से 25-17 और 25-14 अंकों से जीत हासिल की। छठे मैच में कीपस ने एसवीएस केहरवाला सिरसा को 25-17 व 25-14 के स्कोर से पराजित किया। सातवें मैच में गुरुनानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा साहिब को 25-23 और 25-12 के स्कोर से हराकर कीपस की टीम ने सेमी फाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में कीपस की टीम ने गीता आदर्श स्कूल सोलन को 25-12 व 25-14 के अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंत में गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल को कीपस की टीम ने फाइनल मैच में 25-09 और 25-19 के अंकों से हराकर क्लस्टर की ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया। इस अवसर पर साइना को बेस्ट प्लेयर अवार्ड दिया गया। वहीं वॉलीबाल कोच रविंद्र को ट्रॉफी से नावाजा गया। इसके साथ-साथ सिरसा में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 शूटिंग चैंपियनशिप में कीपस स्कूल के छात्रों ने 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-17 श्रेणी में कांस्य पदक जीता। इस अवसर पर कीपस विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद व उप-प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर ने पूरे विद्यालय स्टाफ को बधाइयां दी।
कहा, दाड़ला मोड़-नवगांव-मलोडी-बैरी-बिलासपुर सड़क को औद्योगिक गलियारे बनाने पर खर्च होंगे 20 करोड़ मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि विजयदशमी का त्यौहार बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। संजय अवस्थी आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मांगल के शालूघाट में दशहरा मेला में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर सभी को विजयदशमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति और प्राचीन परम्परा का सूचक है। यह त्यौहार अंधकार पर प्रकाश की विजय का द्योतक है। उन्होंने कहा कि आज के दिन हम सभी को संकल्प लेकर अपने अंतर मन की बुराई को समाप्त करके समाज में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पर्व सभी जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि मांगल क्षेत्र में समत्याड़ी पुल के लिए 4.5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए है। मांगल, बागा व बैरल क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए 36.30 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। इसमें से 7.80 करोड़ रुपए की राशि सम्बन्धित विभागों को उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि दाड़ला मोड़-नवगांव-मलोडी-बैरी-बिलासपुर सड़क को औद्योगिक गलियारा बनाया जाएगा। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस गलियारे के निर्माण पर लगभग 20 करोड़ रुपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि सेहनाली से मलोखर के लिए सुरंग का निर्माण के कार्य को विधायक प्राथमिकता में डाला गया है। इस कार्य पर नाबार्ड के तहत 08 करोड़ की राशि खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि बैरल-मांगल के लिए उठाऊ पेयजल योजना निर्मित करने पर 18 करोड़ रुपए खर्च होंगे। ग्राम पंचायत मांगल, बैरल तथा बागा करोग में लो वोलटेज की समस्या को समाप्त करने के लिए विद्युत लाईन को चमाकड़ी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगल बांध क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा और यहां रोज़गार के अवसर सृजित किए जाएंगे। उन्होंने आयोजन समिति को 21 हजार रुपए तथा सांस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 2100 रुपए देने की घोषणा की। संजय अवस्थी इससे पूर्व ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के गांव स्यार में युथ फारमर्स व रामलीला क्लब में नवरात्रों की दुर्गापूजा के उपरांत विजयदशमी के अवसर पर पूर्ण आहुति यज्ञ में भाग लिया। उन्होंने तदोपरांत अर्की-दाड़लाघाट-खारसी-कन्धर-बैरल तक हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेदिक चिकित्सा संस्थान (एम्स) वाया खारसी-बैरल के लिए बस सुविधा आरम्भ की जाएगी ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा लेने में सुगमता हो।
अर्की के बातल में दशहरा मेले के शुभारंभ पर बाले मुख्य संसदीय सचिव मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी प्राचीन परंपराओं को संजोए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। संजय अवस्थी गत देर सांय सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बातल में दशहरा मेले के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र के जलाणा में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोला जा रहा है। स्कूल के निर्माण के लिए लगभग 20 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से स्वाव गांव से बाड़ीधार के लिए रज्जू मार्ग बनाने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपए की योजना विधायक प्राथमिकता में डाला है। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को देश के अग्रणी आर्थिक संपन्न राज्य के रूप में उभारा जाएगा। उन्होंने कहा कि गाहर से जखोली संपर्क मार्ग बनाने के लिए एन.ओ.सी का प्रावधान होते ही निर्माण कार्य के लिए राशि उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बातल पंचायत के लिए सिवरेज की योजना विधायक प्राथमिकता में डाली गई है जिसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाना आरम्भ हो गई है। उन्होंने ग्राम पंचायत बातल में मोक्षधाम बनाने के लिए 02 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने स्टेज के विस्तार के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने स्थानीय आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। इस अवसार पर जिला एवं सत्र न्यायधीश डीके शर्मा, खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, ग्राम पंचायत बातल की प्रधान उर्मिला शर्मा, उप प्रधान भारत भूषण, वार्ड सदस्य जयवंती, राकेश, ममता, सुनीता, देवराज शर्मा, बीडीसी सदस्य भावना, ग्राम पंचायत बातल के पूर्व प्रधान रतन लाल शर्मा, हेमराज, नरेश, चमन लाल अंगीरस, पदम शर्मा, लेख राम, राम चंद शर्मा, किशोर, युवक मंडल के सदस्य, महिला मंडल के सदस्य, देवभूमि युवा मंडल गाहर के सदस्य अनुज गुप्ता, हेमंत वर्मा, रोशन वर्मा, मदन शर्मा, देवकली गौतम, रूचिका गुप्ता सहित कई उपस्थित थे।
हेमेंद्र कंवर। कोटबेजा जिला परिषद अधिकारी एवं कर्मचारी महासंघ इकाई धर्मपुर जिला सोलन द्वारा अपनी कलम छोड़ हड़ताल समाप्त कर अपने कार्य को पुनः आरंभ कर दिया है, जिससे पंचायत में कार्य पूर्ण आरंभ हो गए हैं। इकाई प्रधान यशपाल शर्मा द्वारा बताया गया कि महासंघ ने सरकार के बार-बार अनुरोध एवं आपदा में प्रभावित परिवारों के कार्य में आ रही मुश्किलों को देखते हुए महासंघ द्वारा अपनी कलम छोड़ हड़ताल को वापस ले लिया है क्योंकि सरकार द्वारा दिनांक 30 अक्टूबर तक संघ की वित्तीय मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया व विभाग में समायोजित करने संबंधी कार्य को आरंभ करने का आश्वासन प्रदान कर दिया है । इस अवसर पर महासंघ द्वारा ग्राम पंचायत प्रधानों जिला परिषद सदस्यों बीडीसी सदस्यों को पंचायत के सभी सदस्यों का भी आभार जताया जिनके द्वारा उनकी मांगों का समर्थन किया गया व संघ की बात को सरकार तक पहुंचने में सहयोग किया। इस अवसर पर इकाई प्रधान यशपाल शर्मा महासचिव बलराज, सचिव राजकुमार शर्मा उपाध्यक्ष निशा शर्मा,मनोज पुंडीर संजू वर्मा रमा देवी पूनम ठाकुर गुरनाम सिंह एवं अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वच्छ एवं आधुनिक अधोसंरचना से परिपूर्ण सोलन शहर की स्थापना समय के लिए योजनाबद्ध कार्य कर रही है। डॉ. शांडिल आज यहां उपायुक्त सोलन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोलन शहर एवं सोलन विधानसभा क्षेत्र की अधोसंरचनागत एवं अन्य आवश्यकताओं के दृष्टिगत आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि सोलन शहर हिमाचल के तीव्रतम गति से विकसित होते शहरों में से एक है। उन्होंने कहा कि सोलन मिनी भारत का स्वरूप है और यहां विभिन्न अधोसंरचनात्मक विकास किए जाने आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में गम्भीर है और सोलन शहर का आधुनिक रूप से विकास किया जाना आवश्यक है। उन्होंने उपायुक्त सोलन को निर्देश दिए कि सोलन शहर में पार्किंग की उचित व्यवस्था सहित अन्य अधोसंरचना विकास की सम्भवनाएं तलाशी जाएं। उन्होंने कहा कि सोलन शहर में सभी की सुविधा के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था की दिशा में कार्य किया जा रहा है। डॉ. शांडिल ने कहा कि सोलन शहर की भौगोलिक परिस्थिति के दृष्टिगत यहां 100 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक सुविधा युक्त अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। इस अस्पताल में ट्रामा सेंटर सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में चिकित्सकों सहित अन्य कर्मचारियों को आवश्यक पद भरे जा रहे हैं। शहर के सभी वार्डों में अधोसंरचनात्मक विकास किया जा रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शमलेच-चिल्ला सम्पर्क मार्ग का कार्य शीघ्र आरम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध पार्किंग स्थलों का उचित नियमन किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्राम गृह सोलन में अनाधिकृत पार्किंग की समस्या को हल करने के निर्देश भी दिए। डॉ. शांडिल ने कण्डाघाट उपमण्डल के सायरी में 32 के.वी. विद्युत उप केन्द्र को शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस उपकेन्द्र में कर्मचारियों की तैनाती के सम्बन्ध में शिमला में विद्युत बोर्ड के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर बात की और इस उप केन्द्र में समुचित संख्या में कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घट्टी (कोठी देवरा) के शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने इस निर्माण कार्य में देरी के लिए दोषियों के विरूद्ध उचित कार्यवाही के निर्देश भी दिए। श्रम एवं रोज़गार मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में देरी लागत में वृद्धि करती है और इसका नकारात्मक प्रभाव सभी पर पड़ता है। डॉ. शांडिल ने कहा कि सोलन विधानसभा क्षेत्र सहित ज़िला के सभी प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों को विकसित कर यहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है। उन्होंने इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह एवं सैनिक विश्राम गृह सोलन का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्राम गृह की समुचित मुरम्मत सहित अन्य निर्देश जारी किए। उन्होंने सैनिक विश्राम गृह में उपलब्ध स्थान के समुचित व्यावसायिक उपयोग के निर्देश भी दिए। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने विभिन्न विकासात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा, पूर्व बीडीसी सदस्य चंदन, कांग्रेस पार्टी के अजय कंवर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, लोक निर्माण विभाग, सैनिक कल्याण सहित प्रदेश विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
साई इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को नवरात्र और दशहरा उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने परंपरागत वेशभूषा पहन कर गरबा खेलने का आनंद लिया। इस दौरान बच्चों को रामायण से अपने पसंदीदा पौराणिक चरित्र की भूमिका निभाने के लिए खूबसूरती से तैयार किया गया था। इन भूमिकाओं को निभाने वाले बच्चे अपनी आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति में परिपूर्ण थे। शिक्षार्थियों द्वारा एक स्किट भी तैयार किया गया, जिसमें रावण पर भगवान राम की जीत का संदेश दिया गया । वहीं जूनियर विंग के बच्चे भी पारंपरिक वेशभूषा में आए और डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया और माता की आरती की।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अक्तूबर को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत सोलन के कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 26 अक्तूबर, 2023 को प्रातः 10.00 बजे से सांय 05.00 बजे न्यू कथेड़, 132 के.वी विद्युत उप केन्द्र के समीप, क्लीन, हाउसिंग बोर्ड, पवन विहार, डिग्री कॉलेज, पोल्ट्री फार्म, धोबीघाट, आदर्श नगर, वार्ड नम्बर 07, संस्कृति महाविद्यालय, कोटलानाला, पुलिस थाना, तहसील, डाईट, जे.बी.टी मार्ग, टैंक रोड़, फोरेस्ट रोड़, चौरीघाटी, पाजो, सेरी, वृंदावन कॉलोनी, खलीफा लोज़, भगत पेलेस, नानक विला, गलानग, खमोग, मतियूल, ऑफिसर कॉलोनी एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति तथा अन्य कारणों से उपरोक्त तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
-खालसापाटी-देवरा-पपलोटा सड़क के लिए 7.55 करोड़ स्वीकृत मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि मातृ शक्ति की वंदना भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और नवरात्रि का त्यौहार हमें जीवन के हर क्षेत्र में संतुलन बनाने की सीख देता हैं। संजय अवस्थी आज सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरा के जखोली गांव में श्री भद्रकाली मंदिर में महा अष्टमी मेला के समापन समारोह में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए समन्वित प्रयास कर रही है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि महिलाओं को सभी क्षेत्रों में समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और प्राचीन परम्पराओं के सूचक होते हैं और इनका संरक्षण हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को हमारी प्राचीन परम्परओं और समृद्ध संस्कृति का ज्ञान होना आवश्यक है। इसके दृष्टिगत इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाईन के इस युग में हम समाज से दूर होते जा रहे है, इसलिए इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से आपसी मेल-जोल होता रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि नवरात्रि के महत्व को समझ कर जीवन में महिला शक्ति को सदैव सम्मान दें। उन्होंने कहा कि गत दिनों पूर्व अचानक आई आपदा के कारण हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश आपदा का सामना कर बुरे समय के दौर से आगे बढ़ रहा है। प्रभावितों के समयबद्ध पुनर्वास और विकास को पुन: गति प्रदान करने के लिए सरकार गम्भीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए जलाणा के समीप राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने के लिए 50 बीघा भूमि चिन्हित की गई है। उन्होंने कहा कि स्कूल के निर्माण के लिए लगभग 20 करोड़ रुपए भी स्वीकृत किए गए है। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय अर्की में अंग्रेजी व इतिहास विषय में एम.ए की कक्षाएं आरम्भ होने से विशेष रूप से छात्राएं लाभान्वित होंगी। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से हर संभव प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि स्वाव गांव से बाड़ीधार के लिए रज्जू मार्ग बनाने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपए की योजना विधायक प्राथमिकता में डाला है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इसका कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रज्जू मार्ग बनाने के लिए 103 बीघा भूमि को चिन्हित किया गया है। संजय अवस्थी ने कहा कि खालसापाटी-देवरा-पपलोटा सड़क के निर्माण के लिए 07.55 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने जखोली मार्ग को पक्का करने तथा मंज्याट से धनेच तक सिंचाई सुविधा प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को शाहर-बातल-जखोला सड़क के निर्माण की औपचारिकताएं पूर्ण होने पर इस सम्पर्क मार्ग के लिए समुचित राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने सामुदायिक भवन जखोली के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली बच्चों को 2100 रुपए देने तथा मेला आयोजन समिति के लिए 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर खंड कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप, ग्राम पंचायत देवरा के प्रधान रूप सिंह ठाकुर, बीडीसी सदस्य भावना शर्मा, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सी.डी बंसल, नगर पंचायत अर्की के पूर्व उप प्रधान व वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलदीप सूद, पार्षद रुचि गुप्ता, मनोनीत विनय वशिष्ठ, व्यापार मंडल अर्की के अध्यक्ष व पार्षद अनुज गुप्ता, खंड कोषाध्यक्ष रोशन वर्मा, युवा कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष हेमन्त वर्मा, ज़िला महासचिव प्यारे लाल शर्मा, पूर्व प्रधान रतन लाल शर्मा व सुमित शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक अर्की संदीप शर्मा, तहसीलदार रमन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामवासी उपस्थित थेे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज सोलन जिला के कंडाघाट उप मंडल की ग्राम पंचायत ममलीग के मां बगलामुखी माता मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां बगलामुखी से प्रदेशवासियों के सुख व समृद्ध जीवन की कामना की। डॉ. शांडिल ने कहा कि राज्य में धार्मिक पर्यटक में अपार सम्भवानाएं है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन के विकास के साथ सरकार की यह भी प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक स्थानीय युवा इस क्षेत्र से जुड़ें और रोज़गार प्राप्त करें। उन्होंने इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी एवं सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान एवं मां बगलामुखी माता मंदिर ममलीग समिति के प्रधान हरिचंद ठाकुर, मंदिर समिति के उप प्रधान बस्ती राम परिहार, रूप राम शर्मा, नायब तहसीलदार ममलीग सुरेंद्र चंदेल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी 23 व 24 अक्तूबर को सोलन के प्रवास पर रहेंगे। अवस्थी 23 अक्तूबर को रात्रि 9 बजे सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बातल में दशहरा मेले के शुभारम्भ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। मुख्य संसदीय सचिव 24 अक्तूबर को प्रात: 11.00 बजे ग्राम पंचायत मांगल में शालूघाट में दशहरा मेले में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहेंगे। संजय अवस्थी तदोपरांत सायं 3.00 बजे ग्राम पंचायत सन्याड़ी मोड़ के मंगरूर में सामुदायिक भवन (नेहरू जागृत्ति क्लब कुरेरू) का शुभारम्भ करेंगे। मुख्य संसदीय सचिव तत्पश्चात ग्राम पंचायत सन्याड़ी मोड़ के मंगरूर में दशहरा मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। संजय अवस्थी तदोपरांत सांय 4.15 बजे अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट में दशहरा मेले में बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे।
हिमाचल प्रदेश के लोगों की सुविधा को देखते हुए राज्य सरकार ने सफेदा, पॉपलर, बांस की लकड़ी के साथ-साथ कुठ (औषधीय पौधे) को प्रदेश से बाहर ले जाने पर लगी रोक को हटा दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए आज यहां कहा कि अब राज्य के लोग इन चार प्रजाति की लकड़ी को बिना परमिट के प्रदेश से बाहर ले जा सकते हैं। साथ ही इन प्रजाति की लकड़ी की ढुलाई राज्य के भीतर भी बिना अनुमति के हो पाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में बहुत से किसान इन प्रजाति के पेड़ों को व्यवसायिक स्तर पर उगाते हैं, ऐसे में उनके हितों को देखते हुए राज्य सरकार ने इन चार प्रजातियों पर लगे प्रतिबंध को हटाने का निर्णय लिया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार ने खैर की लकड़ी, कत्था, देवदार के तेल सहित प्रदेश में उगने वाली अन्य जड़ी-बूटियों को प्रदेश से बाहर ले जाने पर लगे प्रतिबंध को भी हटा दिया है। हालांकि इन वन उत्पादों को प्रदेश से बाहर ले जाने के लिए वन विभाग से परमिट लेना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन विभाग से विभिन्न प्रकार के ई-परमिट प्राप्त करने के लिए हिमाचल प्रदेश में नेशनल ट्रान्ज़िट पास सिस्टम शुरू करने जा रही है। यह सिस्टम शुरू करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का छठा राज्य होगा, जिसके शुरू होने से जहां लोगों को ई-परमिट प्राप्त करने में सुविधा होगी, वहीं विभाग के कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता आएगी।
-पंचायती राज मंत्री बोले, प्रदेश की स्थिति सुधरने पर पूरी करेंगे मांगें -टर्मिनेशन लेटर भी लिए जाएंगे वापस जिला परिषद कैडर अधिकारी व कर्मचारियों की २२ दिनों से चली आ रही हड़ताल आज समाप्त हो गई। सोमवार से सभी कर्मचारियों व अधिकारियों ने कार्य पर लौटने का फैसला लिया है। शनिवार को जिला परिषद कर्मचारी महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से मिला और लगभग एक घंटे तक चली बैठक के बाद सरकार की ओर से मिले आश्वासन पर हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया गया। पंचायती राज मंत्री ने कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया है। वहीं, पंचायती राज मंत्री ने कहा कि आज जिला परिषद कर्मियों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला और बैठक की गई, जिसमें उन्हें विश्वास दिलवाया गया है कि उनकी मांगें सरकार चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि इनकी हड़ताल के चलते आपदा के समय कार्य में रुकावट आ रही थी। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर को कर्मचारियों व अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक रखी गयी है, जिसमें इनकी सभी मांगों पर मंथन किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि जिन कर्मचारियों को बर्खास्तगी पत्र जारी किए गए थे, सोमवार को काम पर लौटने पर उनके टर्मिनेशन लेटर भी वापस ले लिए जाएंगे।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के वैज्ञानिकों ने हाल ही में हैदराबाद में आयोजित संगोष्ठी में राज्य का नाम रोशन किया। विश्वविद्यालय ने सर्वश्रेष्ठ पेपर और फेलोशिप पुरस्कार प्राप्त किया। कृषि वानिकी पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना (एआईसीआरपी) की वार्षिक समूह बैठक एवं गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री पर संगोष्ठी पर इस सप्ताह प्रोफेसर जयशंकर तेलंगाना राज्य कृषि विश्वविद्यालय, हैदराबाद में आयोजित की गई। इसमें देश भर के सभी कृषि-जलवायु का प्रतिनिधित्व करने वाले 37 एआईसीआरपीकृषि वानिकी केंद्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के डेप्युटी डायरेक्टर जनरल डॉ. एसके चौधरी द्वारा किया गया। संगोष्ठी के दौरान इंडियन सोसाइटी ऑफ एग्रोफोरेस्ट्री (आई?एस?ए?फ?), झांसी के वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा की गई। विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. इंद्र देव को कृषि वानिकी अनुसंधान और विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए आईएसएफ फेलोशिप पुरस्कार 2022 से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों और रिसर्च स्कॉलर की एक टीम जिसमें डॉ. रोहित बिशिस्ट, डॉ. केएस पंत, डीचेन वांग्मो, कृष्ण लाल गौतम और खलंदर एस शामिल है, को हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में चारे की पोषण मूल्यांकन पर अपने शोध पत्र के लिए आई.ए.स.एफ. सर्वश्रेष्ठ पेपर पुरस्कार 2022 से नवाजा गया। यह पेपर वर्ष 2022 में इंडियन जर्नल ऑफ एग्रोफोरेस्ट्री में प्रकाशित हुआ था। यह पुरस्कार आईसीएआर के सहायक महानिदेशक डॉ. राजबीर सिंह द्वारा केंद्रीय कृषि वानिकी अनुसंधान संस्थान, झांसी के निदेशक डॉ. ए अरुणाचलम की उपस्थिति में प्रदान किए गए। इसके अलावा, कीट विज्ञान विभाग की स्नातकोत्तर छात्रा कृतिका सकलानी ने भी इस माह आयोजित कीट विज्ञान पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान भारतीय प्राणी सर्वेक्षण द्वारा उनके स्नातकोत्तर शोध के लिए द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 एवं 25 अक्तूबर को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। जानकारी देते हुए अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने बताया कि 23 अक्तूबर को बड़ोग फीडर से संचालित कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रात: 10.00 बजे से प्रात: 10.15 बजे तक तथा सायं 4.45 से शाम 5.00 बजे तक आंजी, शमलेच, शराणू, भोज आंजी, बड़ोग, रेलवे स्टेशन, शूमती, नगाली, गलोग, चेवा, बड़ोग गांव, गलयाणा, बीके उद्योग, बाडा, कलोल, छोबल, कोरों कैंथड़ी, लघेचघाट, रोजेट मेडिकेयर, सागर रतना, किया मोटरज एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि इसी दिन प्रात: 10.00 बजे से सायं 5.00 बजे तक बड़ोग रेलवे स्टेशन, भोज आंजी, रोजेट मेडिकेयर, सागर रतना, किया मोटरज एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं 25 अक्तूबर को चंबाघाट फीडर से संचालित कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने कहा कि 25 अक्तूबर को प्रात: 10 बजे से सायं 5.00 बजे तक हिमाचल पथ परिवहन निगम कार्यशाला, हिमाचल प्रदेश पर्यटन कार्यालय कथेड़, नया अस्पताल स्थल, गरीब बस्ती, हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, चम्बाघाट चौक के कुछ क्षेत्रों, बसाल मार्ग, बावरा, सूर्य किरण कालोनी, कथेड़, बसाल, कालाघाट, हाउसिंग बोर्ड बसाल, सेरी, पट्टी, धाला, डांगरी, गारा, धरोट, जियूण, आंजी सलुमणा एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति तथा अन्य कारणों से उपरोक्त तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है।
-विक्रमादित्य ने कहा, स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे सीएम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल और लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गत देर सांय सोलन जिला के कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायत दंघील के जखेड़ गांव में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ी ज्योति ठाकुर के सम्मान समारोह में शिरकत की। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी ज्योति ठाकुर और उनके परिजनों को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ज्योति ठाकुर नेे कठिन परिश्रम और एकाग्र मन से अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि ज्योति ठाकुर की मेहनत के फलस्वरूप आज पूरा प्रदेश गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी भाग लेना चाहिए ताकि संतुलित मन और स्वस्थ शरीर बना रहे। श्रम एवं रोज़गार मंत्री ने कहा कि शिक्षित युवाओं की बेरोज़गारी प्रदेश के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में रोज़गार की सम्भवनाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार गम्भीर है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक पर्यटन में भी रोज़गार की अपार सम्भावनाएं हैं, जिसपर प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा भारी वर्षा के प्रभावितों के लिए राहत पैकेज दिया गया है। राहत पैकेज के तहत भारी वर्षा के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर 07 लाख रुपए तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपए किया गया है। उन्होंने संबन्धित अधिकारियों को जखेड़ गांव में वर्षा शालिका के निर्माण कार्य का आकलन करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी ज्योति ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि ज्योति ठाकुर ने देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शीघ्र ही एशियाई खेलों में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली कबड्डी टीम के खिलाड़ियों को भव्य समारोह में सम्मानित करेंगे। खेल मंत्री ने कहा कि कबड्डी खिलाड़ी ज्योति ठाकुर को इस उपलब्धि के लिए सरकार द्वारा 15 लाख रुपए की राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को और अधिक रोज़गार के अवसर मिलें, इसके दृष्टिगत प्रदेश सरकार सरकारी नौकरियों में खेल कोटे को 03 प्रतिशत से बढ़ाकर 05 प्रतिशत करने के बारे में विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों को और अधिक प्रोत्साहित करने के लिए ग्रामीण ऑलम्पियाड करवाए जाएंगे ताकि युवाओं को खेल के लिए बेहतर मंच उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। विक्रमादित्य सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जखेड़ सम्पर्क मार्ग को पक्का करने के निर्देश दिए। डॉ. शांडिल और विक्रमादित्य सिंह इससे पूर्व ग्राम पंचायत सैंज के कशाउला गंाव से ग्राम पचंायत झाझा के चौड़ा गांव तक बनने वाले पुल स्थल का निरीक्षण भी किया। लोक निर्माण मंत्री ने पुल निर्माण के लिए संबंधित अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से पर्यटक स्थल चायल तक जाने का सफर लगभग 15 किलोमीटर तक कम हो जाएगा वहीं ग्रामीणों को भी आवागमन में सुगमता होगी व कृषि उत्पादों को मंडी तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
बीएल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में आज 28वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीएल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के एसएमसी अध्यक्ष रतन तनवर रहे। वहीं, प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव किरण लेखा जोशी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। मंच का संचालन करते हुए शिवानी शर्मा ने मुख्य अतिथि का विद्यालय में पधारने पर स्वागत किया। वहीं, शारीरिक शिक्षक अमर देव और शिक्षिका अरुणा शर्मा ने बताया कि इस वार्षिक प्रतियोगिता के दौरान पिछले दो दिनों से विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं 100 मीटर दौड़, बैडमिंटन, चैस, लूडो, हाई जंप, कैरम बोर्ड, एकल नृत्य, एकल गीत, भाषण आदि करवाई गईं, जिसमें सभी सदनों के बच्चों में भाग लिया। मुख्य अतिथि ने बच्चों को संबोधित करते हुए सभी बच्चों को खेलकूद प्रतियोगिताओं को स्कूल में आयोजित करवाने तथा उनके महत्व के बारे में अवगत करवाया और बताया कि इस प्रकार कि खेल प्रतियोगिता करवाने से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और बच्चों को अपना दृढ़ संकल्प मजबूत रखना चाहिए। प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा, विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव किरण लेखा जोशी ने मुख्यातिथि को स्मति चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा मुख्या अतिथि का 28वीं वार्षिक खेल प्रतियोगिता के समापन में पधारने के लिए धन्यवाद किया। इस प्रतियोगिता के समापन पर मुख्यातिथि ने सभी सदनों के विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। ये रहे विजेता और उप विजेता मुख्य अतिथि ने कक्षा तीसरी से पांचवीं कक्षा तक 100 मीटर दौड़, बैडमिंटन, चैस, लूडो, हाई जंप, कैरम बोर्ड, एकल नृत्य, एकल गीत, भाषण में साहिल, सिया, कृतिका, लक्षित, वैष्णवी, समर, नवया, कुलविंदर, भावना, पूर्णिमा, वत्सल, पारुल ने गोल्ड मेडल, ध्रुवम, पलक, परिधि, दिव्यांश, मन्नत, लक्षित, माहि, परमेश, किंजल, कुशग्री, दीपक, जैसमिन ने सिल्वर मेडल, अभिनव, गुंजन, ओजस्विनी, दीवांश, दिव्या, रूबल, यानिज, वंशिका, तृषा, मानसी भावेश, रिधिमा ने ब्रोंज मेडल, छठी से आठवीं कक्षा से सक्षम, भाविता, शौर्य, आकृति, अभिनव, महिमा, विवेक, अक्षिता, वंश, पारस, दीपांशी, आर्यन नेगी, मानवी, कारन, नीलाक्सी,पलक, समीक्षा ने गोल्ड मेडल, कुशग्रा, प्रीती, दिव्यांशु, मानवी, कुशल, वंशिका, भवनीत, कुसुम, हिमांशु,गीतांजली, रुद्रांश, तनया, प्रियांशी, सोनाक्षी ने सिल्वर मेडल, पुनीत, लतिका, धैर्य, आध्या, कार्तिक, सुहाना, गौरव, सानया, कुशल, वंशिका, वर्षा, नव्या, वैष्णवी ने ब्रोंज मैडल, नवीं से बारहवीं कक्षा से भारती, गीतंश, गौरव, याशिका, तन्मय, पारुल, भूमिका, गौरांग,वैशाली, कार्तिक, साहिल, आदित, अंजलि ने गोल्ड मेडल, जसविंदर, उत्कर्ष, चैतन्या, श्रृष्टि, जतिन, पलक, आयुष सोनी, शगुन, अंशुमन, चिराग, निष्ठा ने सिल्वर मैडल, नेहा, अभिषेक, दिव्यांशु, चाहत, अक्षत, प्रिया, अमन वर्मा, ध्रुव, दीपक, आकाशी को ब्रोंज मेडल देकर सम्मानित किया।
-बाल विज्ञान सम्मेलन में प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की तैयारियों में जुटे छात्र मिनर्वा स्कूल घुमारवीं के छात्र बाल विज्ञान सम्मेलन में अपनी प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। प्रोजेक्ट रिपोर्ट अंडरस्टैंडिंग इकोसिस्टम फॉर हेल्थ एंड वेल बीइंग (स्वास्थ्य और कल्याण के लिए पारिस्थितिकी तंत्र को समझना) पर आधारित रहेगी। प्रोजेक्ट के माध्यम से बच्चे हेल्थी फूड के बारे में जागरूक करेंगे। इसी प्रोजेक्ट की तैयारी में कक्षा 11वीं के छात्र वंश अत्री व अनिकेत जुटे हैं। इस प्रोजेक्ट में उनका मार्गदर्शन को-ऑर्डिनेटर प्रवीण सोनी व सब को-ऑर्डिनेटर अभिषेक शर्मा व अनिल शर्मा कर रहे हैं। शनिवार को इन बच्चों ने अपनी कक्षा में बच्चों को जागरूक किया गया। बच्चों ने बारी-बारी प्रोजेक्ट रिपोर्ट द्वारा अपने साथ पढ़ रहे साथियों को स्वस्थ रहने के टिप्स दिए। बताया कि स्वस्थ रहने के लिए हेल्थी फूड में क्या-क्या खाना चाहिए और क्या नहीं। वहीं बच्चों को फास्ट फूड के दुष्परिणाम के बारे में अवगत करवाया गया। बच्चों को बताया गया कि स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार का सेवन करना बेहद जरूरी है। स्वस्थ आहार ऊर्जा, स्मृति और फोकस में सुधार करता है। जो छात्र संतुलित आहार खाते हैं, उनके बीमार होने की संभावना कम होती है। पोषक तत्वों से भरपूर आहार में सब्जियों का अधिक सेवन करना चाहिए। बच्चों को बताया गया कि फास्ट फूड हानिकारक विकारों का कारण बन सकता है। फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से भूख कम हो सकती है और खाद्य पदार्थों में पोषक तत्वों की संभावना खत्म हो सकती है। ये त्वरित भोजन वसा, नमक और चीनी से भरपूर होते हैं, और ये जीवन में मोटापा, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों का मूल कारण हैं। फास्ट फूड के नियमित सेवन से व्यक्ति के एकाग्रता स्तर में गिरावट आती है। यही कारण है कि हम देखते हैं कि आजकल बच्चे कैसे आसानी से विचलित हो जाते हैं। बच्चों को बताया कि आजकल मोटापा किस तरह आम होता जा रहा है। यह एक बहुत ही पुरानी बीमारी है, जो केवल जंक फूड खाने से बढ़ती है। इस मौके पर पाठशाला प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल सहित अंत मौजूद रहे।
सोलन पुलिस ने 865 ग्राम अफीम के साथ नेपाली मूल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार सोलन पुलिस की एक टीम जब गश्त के लिए सोलन शहर, शिल्ली, जौणाजी आदि के लिए रवाना हो रही थी तो टीम को गुप्त सूचना मिली कि पंचायत सामुदायिक केंद्र सेरी के समीप बैठे एक व्यक्ति के पास नशे की खेप है। पुलिस ने जब व्यक्ति की तलाशी ली तो उसके पास से 865 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसे वह सोलन शहर में बेचने की फिराक में था। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शशि राम, निवासी नेपाल बताया जो कि वर्तमान में किन्नौर जिले के सुंगरा गांव में रह रहा है। इस संदर्भ में थाना सदर सोलन में मामला दर्ज करके उपरोक्त आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसे आज अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले में आगामी जांच जारी है।
साईं इंटरनेशनल स्कूल के अध्यक्ष रमिंदर बावा ने 19 अक्तूबर 2012 को समग्र शिक्षा प्रदान करने की दृष्टि से साईं इंटरनेशनल स्कूल की आधारशिला रखी थी। इस दिन को चिह्नित करने के लिए गत दिवस छात्रों और शिक्षकों ने संस्थापक दिवस को बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया। साईं इंटरनेशनल स्कूल में उस समय जश्न का माहौल बन गया, जब छात्र और शिक्षक संस्थापक दिवस मनाने के लिए एकत्र हुए। एक विशेष सभा आयोजित की गई, जहां छात्रों ने कई गतिविधियों का प्रदर्शन किया। दिन की शुरुआत भगवान पूजा वा आराधना से हुई। बच्चों ने पोस्टर मेकिंग एक्टिविटी के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
लुधियाना और शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रिंसिपलों के संगठन, लुधियाना सहोदय कॉम्प्लेक्स ने गुरुवार को लुधियाना में एक दिवसीय स्कूल प्रिंसिपल कॉन्क्लेव का आयोजन किया। शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों में प्रो चांसलर, विशाल आनंद और कुलपति, प्रो. अतुल खोसला शामिल थे, जबकि लुधियाना सहोदय स्कूल का प्रतिनिधित्व जसविंदर सिद्धू द्वारा किया गया । इस कार्यक्रम में लुधियाना और इसके पड़ोसी क्षेत्रों के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से 60 से अधिक प्रिंसिपलों ने भाग लिया। बदलते परिदृश्य में स्कूलों के लिए रणनीतिक नेतृत्व पर एक उच्च-गुणवत्ता और आकर्षक पैनल चर्चा का संचालन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और सीबीएसई के जिला प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. वंदना शाही द्वारा किया गया। पैनल के अन्य वक्ताओं में बीसीएम आर्य स्कूल की प्रिंसिपल अनुजा कौशल, जीसस सेक्रेड हार्ट स्कूल की प्रिंसिपल कीर्ति शर्मा और गुरु नानक पब्लिक स्कूल सराभा नगर के प्रिंसिपल गुरभेज एस नागी शामिल थे। सभी वक्ताओं ने सर्वांगीण और सफल व्यक्तियों को आकार देने में भाषा अधिग्रहण की भूमिका, सौंदर्य संबंधी संवेदनशीलता, प्रस्तुति कौशल और नेतृत्व गुणों जैसे विषयों पर बहुमूल्य अंतर्दृष्टि और अनुभव साझा किए। इस अवसर पर समाज पर गहरा प्रभाव छोड़ने वाली दो हस्तियों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रमा मुंजाल और डॉ. परमजीत कौर, उनकी संघर्ष यात्रा से हर कोई प्रेरित हुआ। शूलिनी विश्वविद्यालय ने शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के महान उद्देश्य के लिए इन प्राचार्यों के महत्वपूर्ण और चल रहे योगदान को स्वीकार करने का बीड़ा उठाया। उनमें से प्रत्येक को शिक्षा भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए उपभोक्ताओं के राशन कार्डों में उनकी आधार संख्या पंजीकृत की जा रही है। ई-केवाईसी के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि राशन कार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम, जन्म तिथि तथा लिंग, आधार में दर्ज डाटा के अनुसार ही हो। इस प्रक्रिया को 31 अक्तूबर पूर्ण किया जा रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि विभागीय सर्वर में अचानक आई तकनीकी समस्या के दृष्टिगत ई-केवाईसी की प्रक्रिया बाधित हो गई थी, जिसे दुरूस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 21 अक्तूबर से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पुन: सुचारू रूप से कार्य करना आरंभ कर देगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि संबंधित उचित मूल्य की दुकान पर जाकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए विभाग का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी उचित मूल्य की दुकान में राशन प्राप्त करने में कोई असुविधा हो रही हो तो इसका समाधान 24 अक्तूबर तक कर दिया जाएगा।
-सोलन के बीशा में रखी ध्यारीघाट-बीशा संपर्क मार्ग की आधारशिला लोक निर्माण, युवा सेवाएं और खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आपदा प्रभावितों के उचित पुनर्वास के साथ-साथ प्रदेश का संतुलित विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। विक्रमादित्य सिंह आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बीशा में ध्यारीघाट से बीशा तक संपर्क मार्ग की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं अन्य से क्षेत्र के विकास के संबंध में विचार-विमर्श कर रहे थे। विक्रमादित्य सिंह ने सोलन विधानसभा क्षेत्र में ध्यारीघाट से बीशा तक सम्पर्क मार्ग की आधारशिला रखी। 1.5 किलोमीटर लंबे इस संपर्क मार्ग के निर्माण पर 1.22 करोड़ रुपये व्यय होंगे। उन्होंने कहा कि इस संपर्क मार्ग पर रेलवे सुरंग नंबर 76 पर ओवर ब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावितों के पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार ने राहत पैकेज की घोषणा की है। सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि इस दिशा में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़कें पहाड़ की भाग्यरेखाएं हैं और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर सम्पर्क मार्ग व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जा रही है। राज्य में विभिन्न योजनाओं के तहत सड़क निर्माण को गति प्रदान की जा रही है। खेल मंत्री ने तदोपरांत कण्डाघाट खेल मैदान का निरीक्षण भी किया। उन्होंने यहां आवश्यक सुविधायुक्त खेल मैदान निर्मित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने पर खेल मैदान के लिए समुचित धनराशि उपलबध करवाई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कण्डाघाट स्थित खेल मैदान को बड़ा करने के लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनी और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, जिला महिला कांग्रेस की महासचिव निर्मल शर्मा, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव ओम प्रकाश शर्मा, ग्राम पचंायत बीशा के प्रधान धर्मदत्त कश्यप, ग्राम पंचायत बाशा के प्रधान चंदन ठाकुर, जिला परिषद सदस्य मनोज वर्मा तथा राजेेंद्र ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद राजीव कौड़ा तथा उषा शर्मा, उत्तर रेलवे अम्बाला मण्डल के अभियंता हिमांशु धीमान, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय शर्मा, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता रवि भट्टी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
टीएचडीसीआईएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशकआरके विश्नोई ने बताया कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली ने 12 अक्टूबर को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके अंतर्गत विज्ञान, इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी में अनुसंधान और विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोगात्मक साझेदारी स्थापित की गई है। उन्होंने आगे बताया कि एमओयू के अनुसार, टीएचडीसीआईएल आईआईटी दिल्ली के संकाय सदस्यों के नेतृत्व में अनुसंधान अध्ययन, पायलट प्रोजेक्ट और परामर्श कार्य संचालित करने के लिए कार्य करेगा। एमओयू में इस सहयोगात्मक गठबंधन के महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विस्तार से बताते हुए विश्नोई ने कहा कि टीएचडीसीआईएल, आईआईटी दिल्ली के साथ अनेक सहयोगात्मक परियोजनाएं शुरू करेगी और संस्थान में एक रिसर्च ग्रुप को इस कार्य में लगाएगी। ये सहयोगात्मक अनुसंधान क्षेत्रों के व्यापक स्पेक्ट्रम को शामिल करेंगे, जिनमें ऊर्जा संरक्षण, लिथियम-आयन भंडारण बैटरी के विकल्प, इलेक्ट्रिक वाहन बैटरी के लिए नैनो टेक्नोलॉजी, हरित हाइड्रोजन, भू-तापीय प्रौद्योगिकी, जलवायु परिवर्तन के मुद्दे, अपशिष्ट प्रबंधन / रीसाइक्लिंग, पानी शामिल हैं। इनके साथ ही इसमें प्रबंधन/संरक्षण, भंवर-प्रेरित कंपन, सुरंग बनाने की तकनीक, जैव ईंधन, ग्रिड स्थिरता में सुधार और विभिन्न अन्य प्रासंगिक क्षेत्र भी शामिल होंगे। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने आगे कहा कि टीएचडीसीआईएल परिचालन व्यय और अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों की लागत के लिए व्यापक वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सहयोग आईआईटी दिल्ली को पारस्परिक रूप से सहमत शर्तों पर अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं को निरंतर शुरू करने के लिए सशक्त बनाएगा, जिससे सहयोगात्मक अनुसंधान प्रयासों में उनके बढ़ते ज्ञान की महत्पूर्ण भूमिका रहेगी। एमओयू के अनुसार, आईआईटी दिल्ली आवश्यक बुनियादी ढांचागत सहायता और वैज्ञानिक, इंजीनियरिंग और तकनीकी विशेषज्ञता प्रदान करेगा। ये संसाधन संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ तालमेल बिठाते हुए अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने में सहायक होंगे। प्रोफेसर नरेश भटनागर, डीन (आर एंड डी), आईआईटी दिल्ली ने इस क्षेत्र में आईआईटी दिल्ली की वैज्ञानिक और इंजीनियरिंग क्षमताओं पर भरोसा करने और बैटरी, संचार और रोबोट एप्लिकेशन आदि के क्षेत्रों में परियोजनाओं को चालू करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने हेतु टीएचडीसीआईएल प्रबंधन को हार्दिक धन्यवाद दिया। भविष्य में, टीएचडीसीआईएल द्वारा आवश्यकता पड़ने पर आईआईटी दिल्ली कई और क्षेत्रों को भी कवर करेगा। इस साझेदारी के प्रभाव को मजबूत करने के लिए, आईआईटी दिल्ली, टीएचडीसीआईएल के सहयोग से, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ जुड़ने के लिए अपनी विशेषज्ञता का लाभ उठाएगा। इस सहभागिता का उद्देश्य बुनियादी और ट्रासंलेशनल रिसर्च सोल्यूशन दोनों हैं। इसके अतिरिक्त, संस्थान प्रासंगिक विषयों से अधिक संकाय सदस्यों को कार्य में जुटाएगा और सहयोगी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से प्रसारित करेगा। एसके चौहान, विभागाध्यक्ष (आरएंडडी), टीएचडीसीआईएल और आईआईटी दिल्ली के डीन (आरएंडडी) प्रोफेसर नरेश भटनागर ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता पांच साल के लिए किया गया है। विश्नोई ने कहा कि टीएचडीसीआईएल और आईआईटी दिल्ली के बीच यह सहयोगी उद्यम अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी उन्नति के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें विभिन्न उद्योगों और डोमेन के लिए अभूतपूर्व समाधान प्रदान करने की क्षमता है। टीएचडीसीआईएल 1587 मेगावाट की संस्थापित क्षमता के साथ देश के प्रमुख बिजली उत्पादकों में से एक है, जिसका श्रेय इसकी प्रचालनाधीन परियोजनाओं को जाता है जिनमें उत्तराखंड में टिहरी बांध और एचपीपी (1000 मेगावाट), कोटेश्वर एचईपी (400 मेगावाट), गुजरात के पाटन और द्वारका में क्रमश: 50 मेगावाट और 63 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजनाएं और उत्तर प्रदेश के झांसी में 24 मेगावाट की ढुकवां लघु जल विद्युत परियोजना तथा केरल के कासरगोड में 50 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना शामिल हैं।
-मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया मिल्कफेड के नए उत्पादों का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां ओक ओवर से मिल्कफेड के नए उत्पादों का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने दुग्ध प्रसंघ को बाजार में मांग आधारित उत्पाद तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने में हर संभव सहायता प्रदान करेगी। त्योहारों के मौसम को देखते हुए हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड ने गिफ्ट पैक, शादी की भाजी और शुगर फ्री मिठाइयां बाज़ार में उतारी हैं। नए गिफ्ट पैक तीन तरह की पैकिंग में उपलब्ध होंगे, जिनका मूल्य क्रमश: 620, 1000 तथा 1500 रुपए रखा गया है। मिल्कफेड के सभी बिक्री केंद्रों तथा जिला मुख्यालयों पर यह उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कांगड़ा के डगवार में लगभग 226 करोड़ रुपये की लागत से 'स्टेट ऑफ द आर्टÓ दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का निर्माण प्रस्तावित है, जहां दूध के अनेक तरह के उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इसके साथ-साथ अन्य संयंत्रों में भी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रतिज्ञा-पत्र में किसानों से 80 रुपए प्रति किलो गाय का दूध और 100 रुपये प्रति किलो भैंस का दूध खरीदने का वादा किया है, जिसके लिए मिल्कफेड के प्लांट को आधुनिक बनाया जा रहा है, ताकि किसानों से खरीदे गए दूध से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार किए जा सकें। मिल्कफेड के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास सूद ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि सभी उत्पादों को तैयार करने में उच्च गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। शुगर फ्री मिठाइयों की मांग को देखते हुए मिल्कफेड ने इन्हें बाज़ार में उतारा है। इसके साथ-साथ मिल्कफेड की मिल्क केक, पहाड़ी बर्फी, कोकोनट बर्फी, के साथ-साथ 16 प्रकार की मिठाइयां बाज़ार में उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क राजीव कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
जिला सोलन के कुमारहट्टी के गांव कलोल के टिंकल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 28 सितंबर को समय शाम करीब 4.05 बजे जब वह अपने ढाबे के बाहर खड़ा था तो कुमारहट्टी की तरफ से आ रही एक बोलेरो गाड़ी के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वन-वे का उल्लंघन करते हुए गलत दिशा में आकर सामने टनल की तरफ से आ रही मोटरसाईकिल को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को 108 एंबुलेस द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। शिकायत पर पुलिस ने जांचकर पाया कि यह हादसा पिकअप चालक की तेज रफ्तारी, गलत दिशा व वन-वे में गाड़ी चलाने के कारण हुआ है। पिकअप चालक ने अपना नाम मनोज कुमार पुत्र हरका लाल निवासी शरमाली, जिला शिमला बताया और इसी नाम व पते का ड्राईविंग लाईसेंस पुलिस को दिखाया। पुलिस ने मामले में और छानबीन की तो पता चला कि बोलेरो चालक ने अपना गलत नाम व पता बताकर पुलिस को गुमराह किया है। पुलिस ने जांच में पाया कि चालक का असली नाम कुल बहादुर पुत्र करण बहादुर निवासी शरमाली, जिला शिमला है। पुलिस को गुमराह करने के आरोप में पुलिस ने कुल बहादुर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ़्तार कर लिया है। आरोपी को आज कार्ट में पेश किया जाएगा।
-बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद ड्यूटी पर नहीं पहुंचे हड़ताल पर चल रहे जिला परिषद कैडर के कर्मचारियों पर प्रदेश सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। निदेशक पंचायती राज रुग्वेद ठाकुर की ओर से वीरवार को सीईओ जिला परिषद को जारी आदेशों में 167 जूनियर इंजीनियर की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश जारी हुए हैं। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। बिलासपुर में 6, चंबा 13, हमीरपुर 10, कांगड़ा 38, किन्नौर 3, कुल्लू 11, लाहौल स्पीति 2, मंडी 32, शिमला 17, सिरमौर 13, सोलन 12 और ऊना में 10 जूनियर इंजीनियर की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। 167 जूनियर इंजीनियर के पद अब आउटसोर्स आधार पर भरे जाएंगे। आउटसोर्स आधार पर बिलासपुर और चंबा में 7-7 पद, हमीरपुर 13, कांगड़ा 35, किन्नौर 3, कुल्लू 13, लाहौल स्पीति 1, मंडी 25, शिमला 22, सिरमौर 13, सोलन 16 और ऊना में 9 पद भरे जाएंगे। आउटसोर्स पदों को भरने की जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम को भेजी जाएगी और यह पद एक साल के लिए भरे जाएंगे। बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भी यह इंजीनियर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। सरकार का तर्क है कि जेई की अनुपस्थिति से मनरेगा के विकार्स कार्य, मनरेगा मजदूरों को भुगतान और आपदा कार्यों की बहाली में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने बताया कि 18 अक्टूबर को टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड और गढवाल मंडल विकास निगम लि. (जीएमवीएनएल) के मध्य उत्तराखंड में जीएमवीएन के 14 अतिथि गृह एवं चार धाम यात्रा मार्ग पर विद्युत वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। विश्नोई ने अवगत कराया कि इन दोनों के सहयोगात्मक प्रयास से इस पवित्र मार्ग पर इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी। विश्नोई ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों संगठन अगले साल चार धाम यात्रा शुरू होने से पहले चार्जिंग स्टेशनों को तेजी से चालू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह पहल उत्तराखंड में सतत और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन विकल्पों की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाती है। टीएचडीसीआईएल की ओर से प्रवीण सक्सेना, महाप्रबंधक (व्यवसाय विकास) तथा जीएमवीएन की ओर से राकेश सकलानी, अपर महाप्रबंधक(पर्यटन) ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी, आईएएस तथा दोनों संगठनों के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


















































