कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सनवारा के दो छात्रों का चयन ओपन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। कक्षा नौवीं के दो छात्रों वीरेन गुलिया और रौनक गुलिया ने 26 अगस्त से आठ सितंबर तक डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज तुगलकाबाद, नई दिल्ली में आयोजित 42वीं नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया और ओपन नेशनल के लिए क्वालीफाई किया। रौनक गुलिया 360/400 और वीरेन गुलिया ने 357/400 स्कोर करके नॉर्दन इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर स्कूल का नाम रोशन किया है। इससे पहले तीन अगस्त से नौ अगस्त तक पोंडिचेरी में आयोजित लड़कों और लड़कियों की सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भी स्कूल ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में किपस की आठवीं कक्षा की छात्रा तन्वी ठाकुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। स्कूल के विद्यार्थियों के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए स्कूल के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद और उप-प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर ने स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
सोलन ज़िला में केंद्रीय मंत्रालयों की विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा एवं अनुश्रवण के लिए ज़िला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक 14 सितंबर को प्रात: 11.00 बजे उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप करेंगे। बैठक उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त एवं ज़िला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अजय कुमार यादव ने दी।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन के कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार कुछ वाहनों की नीलामी 26 सितंबर को की जानी है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने दी। उन्होंने कहा कि उपायुक्त कार्यालय सोलन परिसर में 26 सितंबर को प्रात: 11.30 बजे नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसमें 05 जिप्सी मॉडल 2007, 2004 तथा 1992 की नीलामी की जाएगी। उन्होंने कहा कि नीलामी से संबन्धित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिला नाजर शाखा के कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-223702-3 एक्सटेंशन नंबर 209 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
भविष्य के कानूनी दिग्गजों को प्रेरित करने के उद्देश्य से एक उल्लेखनीय पहल में, शूलिनी विश्वविद्यालय के कानूनी विज्ञान संकाय के बीएएलएलबी और एलएलबी छात्रों द्वारा जिला न्यायालय परिसर, सोलन में राष्ट्रीय लोक अदालत में एक दिन के दौरे का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम का समन्वय जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया था और छात्रों को वैकल्पिक विवाद समाधान की जटिलताओं और लोक अदालतों के कामकाज को समझने का अवसर प्रदान किया गया । कानूनी विज्ञान संकाय में सहायक प्रोफेसर विनीत कुमार और छात्रों की एक टीम ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला और सत्र न्यायाधीश, साथ ही न्यायिक मजिस्ट्रेटों के कक्षों में ककज को बारीकी से समझा । छात्रों ने लोक अदालत की कार्यवाही भी देखी, जिसमें वैवाहिक मामले, संविदात्मक विवाद, बैंकिंग असहमति और यहां तक कि कुछ समझौता योग्य आपराधिक मुद्दों सहित विविध प्रकार के मामले शामिल थे। अपनी यात्रा के दौरान, छात्रों को सौहार्दपूर्ण विवाद समाधान की सुविधा के लिए न्यायाधीशों और वकीलों द्वारा नियोजित मध्यस्थता कौशल सीखने का सौभाग्य मिला। लोक अदालत मामलों की अध्यक्षता करने वाले न्यायाधीशों ने छात्रों के साथ बातचीत की और उदारतापूर्वक मध्यस्थता, और लोक अदालत की कार्यवाही पर अपनी अंतर्दृष्टि साझा की। इस अनूठे अवसर ने छात्रों को कक्षा से परे व्यावहारिक अनुभव और कानूनी प्रक्रियाओं की अमूल्य समझ प्रदान की। शूलिनी विश्वविद्यालय में कानूनी विज्ञान संकाय के डीन डॉ. नंदन शर्मा ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल कानूनी ज्ञान प्रदान करना नहीं है बल्कि सहानुभूतिपूर्ण और प्रभावी कानूनी पेशेवर तैयार करना है जो समाज में बदलाव ला सकें। राष्ट्रीय लोक अदालत का यह दौरा उस दृष्टिकोण की दिशा में एक कदम था, जिससे हमारे छात्रों को कानूनी सिद्धांतों और वैकल्पिक विवाद समाधान विधियों के वास्तविक दुनिया के अनुप्रयोग को देखने का मौका मिला।
-एडीसी ने धान फसल की खरीद को लेकर की बैठक आगामी धान की फसल को लेकर जिला स्तरीय उप समिति की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संबंधित विभागों के साथ धान खरीद को लेकर किए जा रहे प्रबंधों के संबंध में चर्चा की गई। महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि इस बार जिला में धान खरीद का कार्य 2 अक्तूबर से 25 दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि जिला में किसानों से धान खरीद के लिए टकारला और रामपुर में दो खरीद केंद्र खोले गए हैं। उन्होंने किसानों से भी आग्रह किया कि वे धान खरीद पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें ताकि किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे 48 घंटों के भीतर किसानों को उनकी फसल का भुगतान सरकार द्वारा ग्रेडिंग निर्धारित एमएसपी के हिसाब से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व विभाग को भी निर्देश दिए कि यदि किसानों को भूमि से संबंधित फर्दों में कोई दिक्कतें आ रही है तो एसडीएम के माध्यम से जल्द निदान करना सुनिश्चित करें ताकि उन्हें अपनी धान की फसल को बेचने में किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर क्षेत्र प्रबंधक संजीव वर्मा, डीएफएससी राजीव शर्मा, उप निदेशक कृषि कुलभूषण धीमान, सचिव एपीएमसी भूपेंद्र सिंह, एआरटीओ अशोक कुमार, एडीआईओ भूपेंद्र सिंह, मोहित धीमान सहित अन्य उपस्थित रहे।
ब्यास नदी की तर्ज पर ऊना जिला के स्वां नदी में चल रहे क्रशरों पर लगे पूर्ण प्रतिबंध हिमाचल प्रदेश में भारी प्राक्रतिक आपदा के बाद भी माफिया खड्डों में खनन सामग्री एकत्रित करने से बाज नहीं आ रहा है। यह बात समाजसेवी मनीष शारदा ने कही। उन्होंने कहा कि गगरेट विस क्षेत्र में जगह जगह खड्डों में खनन सामग्री के बढ़े-बढ़े ढेर माफिया ने लगाए हुए हैं, जिसकी कोई जानकारी प्रशासन के पास नहीं है और प्रशासन आंखे मुंधे खड़ा है। उन्होंने कहा कि गगरेट विस क्षेत्र में खनन माफिया इतना हावी था कि प्रशासन को क्यूआरटी लगानी पड़ी और मरवाडी में क्यूआरटी लगने के बाद माफिया पांवड़ा रोड और सलोह के माध्यम से पैर पसार रहा है और पंजाब में खनन सामग्री पहुंचा रहा है। क्यूआरटी के फैसले का स्वागत करते हुए इसे 31 दिसंबर तक लगाये रखा जाना चाहिए और ओवरलोड एवं मॉडीफाइड टिप्परों पर पूर्ण रोक लगी रहे। उन्होंने माइनिंग विभाग कि कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि आखिर खनन माफिया के फन फैलाने के बावजूद भी कहीं नजर नहीं आ रहा है और विभाग आंकड़े जारी करे कि गगरेट में कितने चालान किये क्या कार्रवाई की है। जहां पूरे प्रदेश में पंद्रह सितंबर तक खनन पर पूर्ण प्रतिबंध है बावजूद इसके भी लोग खनन सामग्री एकत्रित कर नियमों कि धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसके सरंक्ष्ण में यह खनन माफिया फन फैला रहा है और इस आपदा कि घड़ी में चंद चांदी के सिक्कों के लिए खड्डों का सीना छलनी कर रहे हैं, आखिर क्यों इस त्रासदी के बाद भी माफिया प्रदेश कि सम्पदा को नुक्सान पहुंचा रहा है, इस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और ब्यास नदी की तर्ज पर ऊना जिला के स्वां के सीने पर चल रहे क्रशरों पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
जिला सोलन की सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक में ज़िला के सात स्थानों एवं ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य की नई दुकानें खोलने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी आज यहां ज़िला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र कुमार धीमान ने दी। उन्होंने कहा कि समिति के निर्णय के अनुसार जिला के विकास खंड नालागढ़ की ग्राम पंचायत बायला के गांव बायला, ग्राम पंचायत मानपुरा के गांव ठेडा तथा ग्राम पंचायत बारियां के गांव महुआ, विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत गोयला के गांव छमकड़ी, छावनी क्षेत्र कसौली के कसौली, विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत कसौली-गढ़खल के गांव कसौली तथा नगर निगम सोलन के शिल्ली रोड़, वार्ड नंबर 9 उचित मूल्य की नई दुकानें खोली जानी हैं। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं इन स्थानों पर उचित मूल्य की दुकानें खोलने के लिए ऑनलाईन माध्यम से आवश्यक सूचना एवं अन्य दस्तावेज़ वेबसाइट पर अपलोड कर आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं को इस कार्य के लिए वेबसाइट का उपयोग करना होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 सितंबर निर्धारित की गई है। धीमान ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम के अतिरिक्त किसी भी अन्य माध्यम आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आवेदन करने की न्यूनतम योग्यता दसवीं पास तथा व्यक्तिगत आवेदनकर्ता की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवश्यक दस्तावेजों के बिना आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे। अधिक जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय में आकर अथवा दूरभाष नम्बर 01792-224114 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिला दंडाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा ने हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी रोकथाम आदेश, 1977 के खंड 3 (आई) (ई) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ज़िला सोलन में विभिन्न खाद्य वस्तुओं के अधिकतम खुदरा मूल्य निर्धारित करने के संबंध में अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि अधिकतम खुदरा मूल्य में खाद्य वस्तुओं के सभी कर एवं अन्य आकस्मिक प्रभार सम्मिलित होंगे। अधिसूचना के अनुसार बकरा एवं भेड़ा का मीट 500 रुपये प्रति किलोग्राम, सुअर का मीट 250 रुपये प्रति किलोग्राम, चिकन ड्रेस्ड 200 रुपये प्रति किलोग्राम, ब्रॉइलर ड्रेस्ड 200 रुपये प्रति किलोग्राम, बिना तली मछली 250 रुपये प्रति किलोग्राम, तली हुई मछली 300 रुपये प्रति किलोग्राम, जीवित चिकन का मूल्य 150 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया गया है। अधिसूचना के अनुसार तंदूरी चपाती प्रति 8 रुपये, तवा चपाती प्रति 7 रुपये, भरा हुआ परांठा प्रति 30 रुपये, चावल, चपाती, दाल और सब्जी फुल डाइट प्रति 80 रुपये, पूरी प्लेट चावल फुल प्लेट 50 रुपये, दाल फ्राइ प्रति प्लेट 60 रुपये, मीट करी प्रति प्लेट 120 रुपये, चिकन करी प्रति प्लेट 100 रुपये, सब्जी स्पेशल प्रति प्लेट 70 रुपये, मटर/पालक पनीर प्रति प्लेट 90 रुपये, सब्जी/चना एवं दही के साथ दो पूरी प्रति प्लेट 50 रुपये तथा रायता का मूल्य प्रति प्लेट 50 रुपये निर्धारित किया गया है। इस अधिसूचना के अनुसार स्थानीय दूध 45 रुपये प्रति लीटर, सभी ब्रांड का पैकेट वाला दूध मुद्रित मूल्य के अनुसार उपलब्ध होगा। पनीर 280 रुपये प्रति किलोग्राम तथा दही का मूल्य 65 रुपये प्रति किलोग्राम मूल्य तय किया गया है। सभी ब्रांड के शीतल पेय मुद्रित दर के अनुसार उपलब्ध होंगे। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि एक प्लेट मीट/चिकन करी में 200 ग्राम मीट के टुकड़े अर्थात् न्यूनतम 5 पीस एवं 100 ग्राम शोरबा होना चाहिए। मटर पनीर, पालक पनीर इत्यादि में 100 ग्राम पनीर होना चाहिए। ब्रेड, दूध जैसे पैकेट बंद पदार्थों पर मूल्य एवं पैकिंग की तिथि निर्धारित अधिसूचना के अनुसार होनी चाहिए। प्रत्येक दुकानदार को बिक्री के लिए रखे गई खाद्य वस्तुओं की मूल्य सूची सहज दृश्य स्थल पर प्रदर्शित करना व इसके समस्त खरीद से सम्बन्धित बिल दुकानदार द्वारा रखना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता की मांग पर उन्हें कैश मेमो या बिल देना होगा। यह अधिसूचना आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने की तिथि से एक महीने की अवधि तक मान्य होगी।
शिमला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-5 परवानू के पास रखरखाव के लिए मंगलवार की रात 11 बजे से अगले दिन बुधवार सुबह 3 बजे तक सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगी। पुलिस ने इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सूचित किया है कि शिमला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-5 पर परवानू के पास स्लाइडिंग जोन चक्की मोड़ में सड़क के रखरखाव के लिए 12 सितंबर, रात 11 बजे से दिनांक 13 सितंबर सुबह 3 बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क पूरी तरह से बंद रहेगी। शिमला पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि बहुत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने जेओए आईटी पेपर लीक मामले में नामित आरोपी नितिन आजाद की जमानत रद्द कर दी है। न्यायाधीश सुशील कुकरेजा ने अपने निर्णय में कहा कि नितिन गंभीर आरोपों का सामना कर रहा है। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है कि जमानत मिलने के बाद याचिकाकर्ता कानूनी परिणामों से बचने के लिए फरार हो सकता है। अदालत ने पाया कि जांच एजेंसी ने अभी तक मामले की जांच पूरी नहीं की है। एजेंसी का शक है कि वह किसी अन्य समानांतर मामले में संलिप्त हो सकता है। आरोपी नितिन के खिलाफ पुलिस थाना सतर्कता हमीरपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7ए, 8, 12 और 13(1)(ए) और भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 201 और 120बी के तहत मामला दर्ज है। अभिलाष कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को शिकायत की गई कि संजीव कुमार उर्फ संजय ने उसे जेओए (आईटी), पोस्ट कोड संख्या 965 की परीक्षा के पेपर चार लाख रुपये में बेचने की बात कही थी। उसके बाद शिकायतकर्ता ने संजीव कुमार उर्फ संजय की बातचीत रिकॉर्ड करनी शुरू कर दी। उसके बाद प्रश्नपत्र के लिए कीमत पर ढाई लाख रुपये में सौदेबाजी की गई। प्रश्नपत्र के लिए संजीव कुमार ने शिकायतकर्ता का परिचय निखिल नाम के व्यक्ति से करवाया। इसके बाद संजीव कुमार और निखिल ने प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी उपलब्ध कराने की पेशकश की। मामले की आगामी जांच में नितिन आरोपी पाया गया और उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। इससे पहले अप्रैल में भी आरोपी ने हाईकोर्ट के समक्ष जमानत याचिका दायर की थी, जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। प्लास्टिक अपशिष्ट के कार्यान्वयन की जानकारी दें सरकार हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने नियमानुसार प्लास्टिक अपशिष्ट का निष्पादन न करने पर कड़ा संज्ञान लिया है। अदालत ने राज्य सरकार से शपथपत्र के माध्यम से प्लास्टिक अपशिष्ट के कार्यान्वयन के संबंध में जानकारी तलब की है। न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान और न्यायाधीश रंजन शर्मा की खंडपीठ ने राज्य सरकार से पूछा है कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन (संशोधित) नियम, 2022 में इसके निष्पादन के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। मामले की सुनवाई 20 सितंबर को निर्धारित की गई है। अदालत ने राज्य सरकार को आदेश दिए हैं कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन (संशोधित) नियम, 2022 के तहत सक्षम प्राधिकारी के साथ पंजीकृत उत्पादकों, आयातकों और ब्रांड-मालिकों की संख्या अदालत के समक्ष स्पष्ट रूप से बताई जाए। इसके अलावा प्लास्टिक अपशिष्ट के निष्पादन के लिए चिन्हित स्थानों की जानकारी भी तलब की गई है। अदालत ने हिमाचल प्रदेश ठोस कचरा (नियंत्रण) अधिनियम, 1995 में उन व्यक्तियों या प्राधिकरणों की संख्या भी तलब की है, जिनके विरुद्ध अधिनियम के अंतर्गत जुर्माना लगाया हो। इसके अतिरिक्त अदालत ने प्रदेश के सभी ठोस कचरा संयंत्रों का निरीक्षण की रिपोर्ट दायर करने के लिए एक हफ्ते का समय दिया है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि अदालती आदेशों के बावजूद भी कचरे का निस्तारण नियमों के अनुसार नहीं किया जा रहा है। बता दें कि अदालत के समक्ष हिमाचल के अलग-अलग हिस्सों से अपशिष्ट प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट स्थापित करने के लिए स्थल विवाद और अनुपचारित सीवरेज और ठोस अपशिष्ट की रिहाई से जुड़ी याचिकाएं दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और इसके कार्यान्वयन पर अदालत को बताया गया कि हिमाचल प्रदेश 59 शहरी समूह के साथ भारत का सबसे अच्छा शहरीकृत राज्य है। लेकिन, कचरे की कम मात्रा भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती है। हिमाचल में 29 नगर परिषद और 5 नगर निगम है। कहीं भी कचरे का नियमानुसार निष्पादन नहीं किया जा रहा है।
गोपाल पंवर को वरिष्ठ उपप्रधान, बलबीर और दीप राम को चुना उपप्रधान कुनिहार के तालाब पेंशन हाउस में कुनिहार विकास सभा की चुनावी बैठक की गई और प्रधान पद के लिए सभी ने आपसी विचार-विमर्श करके अपनी एक राए में कहा कि धनीराम तंनवर को ही प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए। किसी भी सदस्य ने प्रधान पद की जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया। कार्यकारिणी में कुछ बदलाव करके धनीराम तंनवर को ही एक बार फिर सर्वसम्मति से सभा का प्रधान बनाया गया। प्रस्ताव के मुताबिक धनीराम तंनवर को प्रधान के अलावा गोपाल पंवर को वरिष्ठ उपप्रधान, बलबीर चौधरी, दीप राम ठाकुर को उप प्रधान, भागमल तंनवर मुख्य सलाहकार, ओमप्रकाश कोषाध्यक्ष, विनोद जोशी मुख्य सलाहकार, संजय राघव महासचिव, नागेंद्र ठाकुर प्रेस सचिव, कली राम चौधरी व ज्ञान ठाकुर सलाहकार, ओम ठाकुर सहसचिव व हेम सिंह पंवर, संतराम, बाबूराम तनवर, रामस्वरूप,बलबीर कंवर, प्रेम राज चौधरी को सभा का सदस्य बनाया गया। प्रधान धनिराम तनवर ने बताया कि प्रस्ताव में यह भी पारित किया गया कि भविष्य में विकास सभा की त्रैमासिक मीटिंग की जाएगी, जिसमें प्रति सदस्य 200 रुपये फंड में दिए जाएंगे। सभी से आग्रह किया गया कि और ज्यादा सदस्यों को इस सभा में जोड़ा जाए।
शूलिनी विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ एंशिएंट इंडियन विजडम एंड योग साइंसेज के सहयोग से योगानंद सेंटर ऑफ थियोलॉजी ने भारत के योगदा सत्संग सोसाइटीके वरिष्ठ भिक्षु स्वामी कृष्णानंद गिरि के साथ एक सत्र का आयोजन किया। चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला और एसआईएलबी अध्यक्ष सरोज खोला ने सत्र में स्वामी गिरि का स्वागत किया। छात्रों और शिक्षकों को अपने संबोधन में स्वामी कृष्णानंद गिरि ने विज्ञान और आध्यात्मिकता के बीच संबंध की बात की। उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान के उन क्षेत्रों को छुआ जो योग के अभ्यास से मेल खाते हैं। उन्होंने कहा कि गणित द्वारा मात्रा निर्धारण को चुनौती दी जाती है, लेकिन कुछ हद तक, सही उपकरणों और मानसिकता के साथ मापा जा सकता है। लवेश रायखी ने आभा और इसकी सात परत वाली ऊर्जाओं की वैज्ञानिक व्याख्या पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सकारात्मक सोच, ओम का जाप और नियमित गहन ध्यान व्यक्ति की आभा का विस्तार कर सकता है और आध्यात्मिक कल्याण को बढ़ा सकता है। स्वामी कृष्णानंद गिरि ने सीवी रमन, चंद्रशेखर और वी शांता जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की विरासत का जिक्र करके दर्शकों की आकांक्षाओं को जगाया, जो समर्पण और बलिदान के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में महान बने। उन्होंने छात्रों को शूलिनी विश्वविद्यालय द्वारा पेश किए गए मौलिक, अग्रणी अनुसंधान के सभी अवसरों को समझने के लिए प्रोत्साहित किया। स्वामी कृष्णानंद गिरि ने शूलिनी विश्वविद्यालय के खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग में स्थित योगानंद फूड इनोवेशन लैब की आधारशिला भी रखी। श्री परमहंस योगानंद के सम्मान में यह प्रतीकात्मक लैब , पाक कला की सरलता और नवीनता का केंद्र होने का वादा करता है।
-परिवार सहित सड़कों पर उतरने की भी दी चेतावनी प्रदेशाध्यक्ष सुनील शर्मा बोले- 2555 एसएमसी शिक्षक स्कूलों में दे रहे सेवाएं -सैकड़ों विद्यालय सिर्फ और सिर्फ एसएमसी शिक्षकों के ही सहारे एसएमसी अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार यदि 30 सितंबर 2023 तक एसएमसी शिक्षकों के लिए पॉलिसी नहीं बनाती है तो 2 अक्तूूबर से प्रदेश में सत्याग्रह किया जाएगा। एसएमसी शिक्षकों ने प्रदेश सरकार को चेताया कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो वे परिवारों के साथ सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। बता दें कि प्रदेश में 2555 एसएमसी शिक्षक मौजूदा समय में कार्यरत हैं और अपने लिए सरकार से पॉलिसी बनाने की मांग कर रहे हैं। शिमला में एसएमसी अध्यापक संघ द्वारा आज पत्रकार वार्ता को संबोधित किया गया। पत्रकार वार्ता के दौरान संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि एसएमसी अध्यापक संघ द्वारा शिक्षा सचिव को एसएमसी अध्यापकों द्वारा नियमित करने के संदर्भ में अल्टीमेटम दिया गया है। संघ ने कहा कि 2555 एसएमसी अध्यापक 2012 से निरंतर प्रदेश के विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और सरकार द्वारा कोई भी नीति न बनने के कारण अभी तक शोषण के शिकार हो रहे हैं, जबकि अन्य सभी अस्थाई अध्यापक पीटीए, पैट, पैरा व उर्दू पंजाबी पीरियड आधार तथा तकनीकी शिक्षा में पीरियड आधार शिक्षकों को कम अंतराल में ही नियमित किया जा चुका है। एसएमसी अध्यापक बहुत ही कम वेतन में शिक्षा विभाग में सभी कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं और प्रदेश के सैकड़ों विद्यालय सिर्फ और सिर्फ एसएमसी शिक्षकों के ही सहारे चल रहे हैं। एसएमसी अध्यापकों द्वारा शिक्षा विभाग को यह अल्टीमेटम दिया गया है कि 30 सितंबर तक एसएमसी अध्यापकों को नियमित नीति में लाया जाए, अन्यथा 2 अक्तूबर से ही एसएमसी अध्यापक मजबूरन अपने परिवार और बच्चों सहित सत्याग्रह, धरना-प्रदर्शन पैन डाउन स्ट्राइक करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस संदर्भ में एसएमसी अध्यापकों ने विश्वास जताते हुए कहा कि सरकार ने हमें गंभीरता से सुना और सरकार हमें नियमित करेगी। मुख्यमंत्री ने भी हमें आश्वासन दिया है कि एसएमसी अध्यापकों को सितंबर माह तक नियमित किया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष सुनील शर्मा, उपाध्यक्ष निर्मल ठाकुर, महासचिव बेला राम वर्मा,सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, और सुरेश चौहान उपस्थित रहे।
निवेशकों ने टीएचडीसीआईएल की कारपोरेट बॉन्ड सीरीज के बेस साइज VIII से नौ गुना ओवर सब्सक्राइबिंग के साथ जताया भरोसा ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने टीएचडीसीआईएल कॉर्पोरेट बांड सीरीज VIII जारी कर 763 करोड़ रुपये सफलतापूर्वक जुटाकर एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। बांडों ने निवेशकों से काफी ब्याज हासिल किया, जिसके परिणामस्वरूप आधार मुद्दे के आकार में उल्लेखनीय 9 गुना ओवरस्क्रिप्शन हुआ, जिसकी राशि 2588 करोड़ रुपये हो गई। टीएचडीसीआईएल कॉर्पोरेट बांड सीरीज VIII, जिसमें 300 करोड़ रुपये के आधार आकार और 500 करोड़ रुपये के हरे जूते के विकल्प के साथ 10 साल के टेनर के साथ 800 करोड़ रुपये के कुल अंक प्राप्त किया। इसके माध्यम से एकत्र किए गए फंड का उपयोग टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की चल रही और निर्माणाधीन परियोजनाओं के ऋण की आवश्यकताओं को आंशिक रूप से पूरा करने के लिए किया जाएगा, क्योंकि कंपनी अपने कार्यों का विस्तार जारी रख रही है। यह उपलब्धि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की वित्तीय स्थिरता और ऑपरेशनल प्रदर्शन में निवेशकों के विश्वास को मजबूत करती है। बीएसई-इलेक्ट्रॉनिक बोली प्लेटफॉर्म के माध्यम से खोज 7.76 प्रतिशत की प्रतिस्पर्धी कूपन दर THDCIL कॉर्पोरेट बॉन्ड में रखे गए विश्वास को और मजबूत करता है। इन बांडों को केयर और इंडिया रेटिंग्स दोनों से एए 'स्टेबल' की क्रेडिट रेटिंग मिली है, जिससे कंपनी की मजबूत क्रेडिट योग्यता पर प्रकाश डाला गया है। इस सफल बांड की बोली 11 सितंबर को THDCIL के कॉर्पोरेट ऑफिस ऋषिकेश में लगी। बहेरा, निदेशक (वित्त) और सीएफओ, एबी. गोयल, ईडी (वित्त), एके गर्ग, जीएम (वित्त), रश्मि शर्मा, कंपनी सचिव, और हेमलता अग्रवाल, बीएसई प्रमुख उत्तरी क्षेत्र, लिस्टिंग। आज, टीएचडीसीआईएल को एक श्रेणी-1 मिनी रत्न वर्ग-ए सेंट्रल पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (सीपीएसयू) के रूप में मान्यता प्राप्त है। कंपनी वर्तमान में 1587 मेगावाट ऊर्जा क्षमता का काम करती है, जिसमें हाइड्रो, हवा, और सौर ऊर्जा शामिल है, जिसमें हाइड्रो क्षमता में अतिरिक्त 1444 मेगावाट और उन्नत विकास चरणों के तहत औष्णिक शक्ति में 1320 मेगावाट है। टीएचडीसीआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने इस उपलब्धि पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की और टीएचडीसीआईएल की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीएचडीसीआईएल कारपोरेट बांड सीरीज के माध्यम से धन जुटाने में यह उल्लेखनीय उपलब्धि सभी को 24&7 सस्ती विद्युत उपलब्ध कराने के राष्ट्रीय उद्देश्य के प्रति कंपनी की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विश्नोई ने आगे कहा कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड जल विद्युत के अलावा सौर, पवन, ताप और पंप स्टोरेज संयंत्र (पीएसपी) जैसे विद्युत स्रोतों के सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास और विविधीकरण के माध्यम से इस संगठनात्मक उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए समर्पित है। विश्नोई ने कहा कि यह प्रतिबद्धता वित्तीय स्थिरता और परिचालन उत्कृष्टता को बनाए रखते हुए देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में टीएचडीसीआईएल की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।
वेद प्रकाश निवासी पलोग ने 11 सितंबर को कसौली थाने में चोरी होने की शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर को वह अपने घर गांव पलोग जन्माष्टमी का त्योहार मानने के लिए गया था। 9 सितंबर को जब वह अपने गांव से वापस टिकटहट्टी आया तो उसने अपने कमरे की अलमारी से एक सोने की चेन, एक गिटार, एक चांदी की चौकी तथा चांदी के लड्डू गोपाल गायब पाए। इस सारे सामान की कीमत करीब 91,500 रुपये है। शिकायत पर थाना कसौली में चोरी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मामले की छानबीन के दौरान पुलिस चौकी गढ़खल द्वारा आरोपी शुभम (25) पुत्र ईश्वर निवासी गांव गढ़खल तहसील कसौली को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। जहां से इसका पुुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला सोलन के 50-अर्की, 51-नालागढ़, 52-दून, 53-सोलन (अजा) तथा 54-कसौली (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों की सूचियों के लिए मांगे गए सुझाव के अनुरूप संशोधन बारे राजनीतिक दलों के साथ अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने आज यहां बैठक की। अजय यादव ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों की सूचियों के संदर्भ में कोई भी आपत्ति या सुझाव अथवा प्रस्तावना 8 सितंबर तक मांगी गई थी। उन्होंने कहा कि सुझावों के अनुरूप मतदान केंद्रों में संशोधन प्रस्तावों की जांच कर ली गई है। उन्होंने कहा कि 50-अर्की में 133 वर्तमान मतदान केंद्रों में से 3 मतदान केंद्र का अनुभाग तथा 3 मतदान केंद्र के भवन को बदला जाना है, 51-नालागढ़ में 115 वर्तमान मतदान केन्द्रों में से 2 मतदान केंद्र का अनुभाग तथा 3 मतदान केंद्र के भवन, 52-दून में वर्तमान 98 मतदान केंद्र में से 1 मतदान केंद्र का अनुभाग तथा 3 मतदान केंद्र के भवन, 53-सोलन(अजा) में वर्तमान मतदान केंद्र 128 में से 1 मतदान केन्द्र का अनुभाग तथा 9 मतदान केंद्र भवन और 54-कसौली(अजा) में वर्तमान 105 मतदान केंद्रों में से 1 मतदान केंद्र का अनुभाग तथा 6 मतदान केंद्रों का भवन बदला जाना है। बैठक में 50-अर्की में 1 नए प्रस्तावित मतदान केन्द्र, 51-नालागढ़ में 6 नए प्रस्तावित मतदान केंद्र, 52-दून में 2 प्रस्तावित मतदान केंद्र, 53-सोलन (अजा) में 2 नए प्रस्तावित मतदान केंद्र तथा 54-कसौली(अजा) में 2 नए प्रस्तावित मतदान केंद्र बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर, संधीरा दत्ता, हितेश कुमार शर्मा, रूपेंद्र कौर, तारा रघुवंशी, शारदा, मधु ठाकुर, कंचन राणा, भारतीय जनता पार्टी के चंद्रकांत, आम आदमी पार्टी की रीता ठाकुर तथा भरत ठाकुर सहित तहसीलदार निर्वाचन राजेश शर्मा, नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान ठाकुर उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 12 सितंबर सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। डॉ. शांडिल प्रात: 11 बजे सोलन ज़िला के कंडाघाट मिनी सचिवालय में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री का शुभारंभ करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री तदोपरांत दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ सोलन प्रवास में उपस्थित रहेंगे।
आयुष्मान भव: इन्टेन्सफाइड इंद्रधनुष कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। अजय यादव ने कहा कि कहा कि आयुष्मान भव: कार्यक्रम विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं को संतृप्त करने के लिए एक व्यापक पहल है। उन्होंने कहा कि जिला सोलन में 13 सितंबर को आयुष्मान भव: अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भव: अभियान की गतिविधियां 17 सितंबर से सोलन ज़िला के विभिन्न स्थानों पर आरंभ की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि आयुष्मान भव: अभियान के अंतर्गत 17 से 23 सितंबर तक आयुष्मान आपके द्वार 3.0, आयुष्मान मेला तथा 2 अक्तूबर को आयुष्मान सभा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आपके द्वार 3.0 कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाएंगे तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर बीपी, मधुमेह, क्षय रोग, कुष्ठ रोग इत्यादि बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान मेले के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर विभिन्न बीमारियों की जांच की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयुष्मान भव: अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए उचित दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएल वर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव बोले- सांसद प्रतिभा सिंह को किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं प्रदेश कांग्रेस महासचिव देवेंद्र बुशैहरी ने सांसद सुरेश कश्यप को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए केंद्रीय सहायता के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं, लेकिन भाजपा इसमें कोई भी सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने कहा है कि प्रतिभा सिंह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व गिरिराज सिंह से मिलकर आपदा से हुए नुकसान में मदद की गुहार लगा चुकी हैं। देवेंद्र बुशैहरी ने प्रतिभा सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि उन्होंने प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों को पत्र लिखकर जो पहल की है, वह बहुत ही सराहनीय है और भाजपा के सभी सांसदों को इसमें पूरा सहयोग करना चाहिए। बुशैहरी ने कश्यप को प्रतिभा सिंह पर दिए उनके बयान की आलोचना करते हुए कहा है कि उन्हें अपना चश्मा बदल लेना चाहिए। ऊलजलूल बयानबाजी से उन्हें कुछ हासिल होने वाला नहीं। प्रतिभा सिंह को उनसे किसी भी प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं। उन्होंने कहा है कि प्रतिभा सिंह अपने संसदीय क्षेत्र मंडी का व्यापक दौरा कर चुकी हैं। अभी पिछले कल ही उन्होंने रामपुर, आनी,करसोग के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है, जबकि इससे पूर्व मंडी, सुंदरनगर, द्रंग, नाचन, सरकाघाट का विस्तृत दौरा कर प्रभावित लोगों से मिलकर अधिकारियों से पुनर्निर्माण व राहत कार्यो की समीक्षा बैठके भी कर चुकी हैं। बुशैहरी ने कहा कि कश्यप बताएं कि उन्होंने इस आपदा से निपटने के लिए केंद्र के किस नेता से मदद मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र शिमला में भूस्खलन से प्रभावित कितने क्षेत्रों का दौरा किया। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि कालका-शिमला राष्ट्रीय राज मार्ग को दुरुस्त करने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार या राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से कितनी बार बातचीत की। बुशैहरी ने कश्यप पर तंज कसते हुए कहा है कि उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र में भूस्खलन से प्रभावित लोगों को राहत व पुनर्वास कार्यों की चिंता करनी चाहिए ,न कि मंडी संसदीय क्षेत्र की।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 सितंबर को आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत के दृष्टिगत सोलन शहर के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जनकारी आज यहां विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 12 सितंबर को प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक सोलन शहर के पोल्ट्री फार्म, तहसील, कोटलानाला, पुलिस थाना, धोबीघाट, वार्ड नंबर 7, संस्कृति महाविद्यालय, आदर्श नगर तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
कहा- प्रदेश सरकार अदा करेगी आवास का किराया मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए आज यहां मंडे मीटिंग की अध्यक्षता की। उन्होंने योजनाओं व विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश के कारण घर क्षतिग्रस्त होने से जो लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं, उन्हें प्रदेश सरकार किराए पर आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाएगी। मकान का किराया प्रदेश सरकार अदा करेगी। इसके दृष्टिगत दो व तीन कमरों के सेट किराए पर लेने का प्रावधान किया जाएगा। इस संबंध में सभी उपायुक्तों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला नगर निगम क्षेत्र में भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए 10 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। उन्होंने शिमला में विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों व गिरे हुए डंगों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी अभियांत्रिकी महाविद्यालयों में अगले शैक्षणिक सत्र से कृत्रिम मेधा (एआई) के पाठ्यक्रम आरम्भ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों में भविष्य की चुनौतियों के आधार पर एआई पाठ्यक्रम आरम्भ करना समय की मांग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मत्स्य क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण से योजनाओं का कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हेलीपोर्टस के निर्माण कार्य की प्रक्रिया की प्रगति की हर सप्ताह समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कटहल की खेती की अपार सम्भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को कटहल की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन व समयादेश (अपॉइंटमेंट) के लिए प्रभावी ऑन-लाईन प्रणाली विकसित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा, भरत खेड़ा, आरडी. नजीम, देवेश कुमार, डॉ. अमनदीप गर्ग और विभिन्न सचिव उपस्थित थे।
-पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में चल रही डिबेट का हुआ समापन पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में चल रहे मोहिंदर मेमोरियल द्विभाषीय टर्नकोट डिबेट का समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शूलिनी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर अतुल खोसला उपस्थित रहे। इनके साथ शूलिनी विश्वविद्यालय के आउटरीच विभाग के वरिष्ठ सलाहकार और लॉरेंस स्कूल सनावर के पूर्व हेडमास्टर प्रवीण वशिष्ठ, पाइनग्रोव स्कूल की प्रशासन निदेशक मिस समीक्षा सिंह और पाइनग्रोव स्कूल की स्पेशल एजुकेटर मिस श्रिया दुआ एवं विद्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में अंग्रेजी भाषा की प्रस्तुतियों को जांचने हेतु कैप्टन सुधीर दीवान और डॉ. हर्ष वर्धन सिंह खिमटा बतौर अंग्रेजी भाषा निर्णायकों के रूप में एवं डॉ. दिनेश कुमार और हेमांक कपिल, हिंदी भाषा के निर्णायकों के रूप में लगातार दूसरे दिन भी उपस्थित रहे। पावर-पैक फाइनल राउंड के अतीव उच्च स्तरीय विषय 'भारत में नया कृषि सुधार कानून कृषि आधुनिकीकरण की दिशा में एक आवश्यक कदम है' ने सभी 17 फाइनलिस्टों को अति गंभीर एवं शोधपूर्ण प्रस्तुति देने को बाध्य किया। लगातार एक के बाद एक प्रस्तुतियों पर पैनी नजर रखने के पश्चात चारों निर्णायकों के परिणामों को हेड ऑफ कल्चरल अफेयर्स मिस्टर विशाल गौरी ने घोषित किया इसमें इंडियन मिलिट्री कॉलेज देहरादून की टीम विजेता रही। वहीं प्रथम उपविजेता सेंट कबीर पब्लिक स्कूल चंडीगढ़ व द्वितीय उपविजेता पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर की टीम रही। व्यक्तिगत पुरस्कारों में इंडियन मिलिट्री कॉलेज देहरादून के आरुष गोस्वामी प्रथम, पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर के येरिक गौरी द्वितीय एवं सेंट कबीर पब्लिक स्कूल चंडीगढ़ के आर्यमन जैन तीसरे सथान पर रहे। इसके अतिरिक्त छह सांत्वना पदक भी प्रदान किए गए। सांत्वना पुरस्कार पाने वाले प्रतिभागी वाइन बर्ग एलैन स्कूल मसूरी की सोम्या गुप्ता विद्या देवी जिंदल स्कूल हिसार की शिप्रा शर्मा वाइनबर्ग एलैन स्कूल मसूरी की अचिंत्या बंसल- पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू की राधिका एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर मध्यप्रदेश की हरबाणी कौर, राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज देहरादून के वेदांत राय रहे। मुख्य अतिथि वाइस चांसलर अतुल खोसला, शूलिनी विश्वविद्यालय के आउटरीच विभाग के वरिष्ठ सलाहकार और लॉरेंस स्कूलसनावर के पूर्व हेडमास्टर प्रवीण वशिष्ठ एवं सभी निर्णायकों को पाइनग्रोव स्कूल की ओर से विद्यालय की प्रशासन निदेशक मिस समीक्षा सिंह ने धन्यवाद स्वरूप उपहार भेंट किए। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई संदेश एवं प्रतिभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, मुख्य अतिथि, अन्य अधिकारियों और निर्णायकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कहा- बिजली के दाम इस कदर बढ़ाने से उद्योग बंद होंगे और महंगाई बढ़ेगी इससे स्टील और सीमेंट के भी दाम बढ़ेंगे और आपदा प्रभावितों को दोहरी मार पड़ेगी नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बिजली के शुल्क में डेढ़ गुना वृद्धि करके सरकार प्रदेश में चल रहे उद्योगों को बर्बाद करना चाह रही है। उन्होंने कहा कि बिजली के शुल्क को सरकार ने अलग बढ़ाए और पिछली सरकार द्वारा प्रदेश में नए उद्योगों को लगाने हेतु को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा दी गई रियायत को वापस ले लिया गया है। उन्होंने कहा यह एक दुर्भाग्यपूर्ण और राजनीतिक बदले की भावना से लिया गया फैसला है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार पार्टी की नहीं प्रदेश की होती है। एक सरकार उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहन देती है, दूसरी सरकार आकर वह सुविधाएं छीन लेती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कोरोना के बाद प्रदेश में उद्योग-धंधों को गति देने के लिए हमारी सरकार ने उद्योगों को निर्धारित समय के लिए कुछ रियायतें दी थी। उसे भी ख़त्म कर दिया गया है। जयराम ठाकुर ने कहा ऐसे चलता रहा तो प्रदेश में नए उद्योग आने के बजाय जो यहां काम कर रहे हैं, वे भी बाहर जाने को मज़बूर हो जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उद्योग लगाने के लिए हम उद्योगपतियों को देश में सबसे सस्ती बिजली देने का वादा करके लाए और आज उन्हें सबसे महंगी बिजली मिल रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उद्योगों के लगने से प्रदेश में उत्पादन होता हैं। प्रदेश में हज़ारों की संख्या में लोगों को सीधा रोज़गार मिलता है। इसके अलावा भी तमाम तरह के अवसर उपलब्ध होते हैं। बिना उद्योगों प्रदेश के विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती है लेकिन सरकार प्रदेश में उद्योग धंधों को बर्बाद करना चाहती है। इस तरह के फ़ैसले लेने वाले लोग उसी डाल को काटना चाहते हैं, जिस पर बैठे हैं । नेता प्रतिपक्ष ने जहां कि प्रदेश में उद्योग धंधों को बर्बाद करने और उन्हें प्रदेश से बाहर भेजने पर योजनाबद्ध तरीक़े से काम हो रहा है। एक तरफ़ सरकार के तुगलकी फ़ैसले उद्योगों में आर्थिक असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं तो दूसरी तरफ़ बेख़ौफ़ माफिया तंत्र उद्योगपतियों को डरा रहा है। जिसके कारण वह स्वयं ही प्रदेश से जाना चाहते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह माफिया किसकी शह पर काम कर रहे हैं। इन्हें कौन संरक्षण दे रहा है। यह बात मुख्यमंत्री को पता करके, उन पर कार्रवाई करनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि नई दरों के तहत एचटी (हाई टेंशन) के अधीन आने वाले उद्योग के लिए बिजली शुल्क 11 प्रतिशत से बढ़ाकर 19 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि ईएचटी (एक्सट्रीम हाई टेंशन) उद्योगों के लिए इसे 13प्रतिशत से बढ़ाकर 19 प्रतिशत कर दिया गया है। छोटे और मध्यम उद्योगो पर बिजली शुल्क 11 प्रतिशत से 17 प्रतिशत तक बढ़ाया है। सीमेंट संयंत्रों पर बिजली शुल्क 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया गया है। यही नही डीजी (डीज़ल जनरेटर) सेट द्वारा बिजली उत्पादन पर 45 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली शुल्क भी लगाया गया है और कैप्टिव उत्पादन और हरित ऊर्जा पर विद्युत शुल्क में दी गई छूट भी वापस ले ली गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न बिजली उपयोग के आधार पर पूर्व सरकार ने पांच साल तक बिजली में रियायत देने की नीति बनाई थी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिजली शुल्क में वृद्धि से प्रदेश में सीमेंट और लोहे का दाम भी महंगा हो जाएगा। जिससे आपदा में अपना घर गंवा चुके लोगों को दोहरी मार पड़ेगी। सरकार ने पहली आपदा के बाद ही डीज़ल के दाम बढ़ाकर आपदा प्रभावित प्रदेश में लोगों पर महंगाई का बोझ सरकार पहले ही डाल चुकी हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसके पहले सुक्खू सरकार ने बिजली, पानी, कूड़ा उठाने साथ प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाकर लोगों पर महंगाई का बोझ पहले ही डाल चुकी है। सत्ता में आते ही सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन की बात की और लोगों के जेब पर बोझ डालने का काम करना शुरू कर दिया। हर चीज के दाम बढ़ा दिये। जिन्हें हमारी सरकार में बिजली, पानी, डीज़ल, सब महंगा लगता था और रोज़ सड़कों पर उतर कर शोर मचाते थे। आज उन्होंने सारी चीजों के दाम बढ़ा दिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आपदा के समय में भी प्रदेश के लोगों पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष महंगाई का बोझ बढ़ाना किसी भी तरह से सही नहीं हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने पौधना के गांव पपलोल में शहीद रोशन लाल मेले का किया शुभारंभ राज्य में आयोजित होने वाले मेले प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को संरक्षित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। यह बात स्वास्थ्य एव परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज जिला सोलन के कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत पौधना के गांव पपलोल में शहीद रोशन लाल मेले के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि कही। उन्होंने शहीद को नमन करते हुए क्षेत्र वासियों को शहीद रोशन लाल मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के हर गांव और शहर की भिन्न सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि मेलों के माध्यम से संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करके आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिलता है। स्वास्थ्य मंत्री ने शहीद रोशन लाल को नमन करते हुए कहा कि ऐसे मेले युवाओं को देशभक्ति की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गत दिनों भारी वर्षा से प्रदेश में बहुत अधिक नुकसान हुआ है। भविष्य में हमें योजना व तरीके से सड़कों, भवनों इत्यादि का निर्माण करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रभावित लोगों को उचित मुआवज़ा दे रही है। उन्होंने कहा कि युवा नशे की लत से दूर रहें, इसके लिए परिवार के सदस्य अपने बच्चों पर नजर भी रखें ताकि युवा नशे की ओर आकर्षित न हों। उन्होंने कहा कि मेलों में आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी संस्कृति को जानने और उसे संजोए रखने मे मेले एवं उत्सव अहम भूमिका निभाते हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने पपलोल खेल मैदान के लिए पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपए, मोक्षधाम पपलोल के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए, रनहोल सामुदायिक भवन निर्माण की पहली किस्त के रूप में 3 लाख रुपए, पपलोल सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 2 लाख रुपए तथा राजकीय उच्च विद्यालय पपलोल के खेल मैदान को समतल करने के लिए 1 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने शहीद रोशन लाल क्लब पपलोल को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हज़ार रुपए देने की भी घोषणा की। इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने ग्राम पंचायत पोधना के गांव काटल में भारी वर्षा से हुए भूस्खलन क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत पौधना की प्रधान अनीता, उप प्रधान संजीव ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, मेला कमेटी के निदेशक अरुण कुमार, प्रधान राहुल ठाकुर, उप प्रधान अमन देव शर्मा, सचिव बलवंत ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोलन के सचिव राजेश ठाकुर, मेला कमेटी के प्रधान हरनाम सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड सोलन ने अपने पंजीकृत कामगारों एवं लाभार्थियों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार नकल की स्व सत्यापित फोटो कॉपी पथा परिवार नकल के अनुसार अपने परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की स्व सत्यापित ¼Self Attested½ फोटो कॉपी 10 दिनों के भीतर श्रम कल्याण अधिकारी सोलन, जिला सोलन के कायालय में स्वंय अथवा डाक के माध्यम से जमा करवाएं। यह जानकारी श्रम कल्याण अधिकारी सोलन ललित शर्मा ने दी। ललित शर्मा ने कहा कि जिला सोलन में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्य करने वाले कामगारों को श्रम कल्याण बोर्ड के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न योजनाओं के लाभ नियमित रूप से प्राप्त करने के लिए परिवार नकल की स्व स्तयापित फोटो कॉपी पथा परिवार नकल के अनुसार अपने परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की स्व स्तयापित फोटो कॉपी जमा करवानी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिय श्रम कल्याण अधिकारी के कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-298575 पर संपर्क किया जा सकता है।
स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया शूलिनी विश्वविद्यालय द्वारा फिल्म निर्माण क्लब सिनेडिकेट के सहयोग से विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए फ्रेम्स एंड स्टोरीज शीर्षक से एक इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया। सत्र के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक ओजस्वी शर्मा थे, जिन्हें भारतीय फिल्म उद्योग में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जाना जाता है। वह भारत के एक प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक, निर्माता और पटकथा लेखक हैं, जिन्हें भारत सरकार द्वारा 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में उनकी फिल्म एडमिटेड के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार रजत कमल से सम्मानित किया गया था। स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया के निदेशक प्रोफेसर विपिन पब्बी ने अतिथि का स्वागत किया और कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों के बीच रचनात्मकता, नवाचार और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया है। फ्रेम्स एंड स्टोरीज़ ने एक अद्वितीय मंच की पेशकश की, जिसने सिनेमा, पत्रकारिता, एलजीबीटीक्यू+ वकालत और अभिनय के विविध क्षेत्रों को एक समृद्ध अनुभव में परिवर्तित कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंटरैक्टिव पैनल चर्चा थी, जिससे छात्रों को ओजस्वी शर्मा के साथ सीधे बातचीत में शामिल होने का दुर्लभ अवसर मिला। उनकी गहन अंतर्दृष्टि और शिल्प के प्रति अटूट जुनून ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया और प्रेरणा की एक अमिट छाप छोड़ी। फिल्म निर्माण पैनल ने सिनेमाई कहानी कहने की जटिल कला पर प्रकाश डालते हुए केंद्र स्तर पर कदम रखा। एक विचार की कल्पना करने से लेकर पोस्ट-प्रोडक्शन में अंतिम उत्कर्ष तक, इस पैनल ने कल्पना की मनोरम छवियों में परिवर्तन को स्पष्ट किया, जिससे छात्रों को फिल्म निर्माण प्रक्रिया की गहन समझ से समृद्ध किया गया। पत्रकारिता पैनल ने मीडिया और सिनेमा के बीच सहजीवी संबंध का पता लगाने के लिए निपुण पत्रकारों के एक पैनल को एक साथ लाया। इस दिलचस्प चर्चा ने न केवल सार्वजनिक धारणा को आकार देने में मीडिया की भूमिका को प्रदर्शित किया, बल्कि इस बात पर भी जोर दिया कि सिनेमा संचार के लिए एक शक्तिशाली माध्यम के रूप में कैसे कार्य करता है। रुत्रक्चञ्जक्त+ पैनल सिनेमा में समावेशिता और विविधता पर एक दिलचस्प चर्चा थी। ओजस्वी और पैनलिस्टों ने प्रामाणिक एलजीबीटीक्यू+ प्रतिनिधित्व के महत्व पर प्रकाश डाला, रूढ़िवादिता को चुनौती देने और स्वीकार्यता को बढ़ावा देने की सिनेमा की शक्ति को स्वीकार किया। द एक्टर्स पैनल नाम के एक अन्य पैनल में अभिनय की कला पर प्रकाश डाला गया, जिसमें पात्रों को सिल्वर स्क्रीन पर जीवंत करने की जटिलताओं को उजागर किया गया। दर्शकों में महत्वाकांक्षी अभिनेताओं को कला में मूल्यवान अंतर्दृष्टि प्राप्त हुई, जिससे उनके अभिनेता बनने के सपने संजोए गए। सिनेडिकेट के अध्यक्ष निहित श्रीवास्तव ने कहा कि फिल्म निर्माण क्लब शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्रों को प्रेरित और सशक्त बनाने वाले कार्यक्रमों की मेजबानी करता है और भविष्य में इस प्रकार के कई कार्यक्रम करने की योजना है। सत्र का समापन प्रो.विपिन पब्बी के धन्यवाद प्रस्ताव से हुआ। अपनी टिप्पणी में उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को उद्योग के दिग्गजों के साथ बातचीत करने, उनके जुनून का पता लगाने और उनके क्षितिज को व्यापक बनाने के लिए एक मंच प्रदान करने की विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं। सत्र में छात्रों, संकाय सदस्यों और उत्साही फिल्म प्रेमियों ने भाग लिया, जो ओजस्वी शर्मा की उपस्थिति और ज्ञान के भंडार को साझा करने की उनकी इच्छा से मंत्रमुग्ध थे।
सीएम ने जी-20 सम्मेलन के उपलक्ष्य पर राष्ट्रपति द्वारा आयोजित रात्रि भोज में लिया भाग मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा जी-20 शिखर सम्मेलन के अवसर पर आयोजित रात्रि भोज में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी से भी मुलाकात की और उनके समक्ष प्रदेश हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में भारी बारिश के कारण आई आपदा से हुए नुकसान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और उनसे प्रदेश में हुई त्रासदी को 'राष्ट्रीय आपदाÓ घोषित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि गत दो महीनों में भारी बारिश, भू-स्खलन और बाढ़ के कारण प्रदेश में 400 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई है और 13 हजार से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है, जिस कारण हजारों परिवार बेघर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण प्रदेश को 12 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से कहा कि इस आपदा से उबरने के लिए प्रदेश को केंद्र की ओर से आर्थिक पैकेज की आवश्यकता है। आपदा के कारण प्रदेश में हुए अभूतपूर्व नुकसान के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि भुज और केदारनाथ मेें आई आपदा की तर्ज पर हिमाचल को भी विशेष राहत पैकेज दिया जाना चाहिए। नरेंद्र मोदी ने ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा उठाए गए प्रदेश हित के मद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि प्रदेश की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान सहित अन्य देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, 19 आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि, संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
-पंचायत ने अपने स्तर पर बनाई थी परियोजना, बरसात में वो भी हो गई बंद -गांववासियों ने सरकार व स्थानीय विधायक से की योजना का नवनिर्माण करने करने की मांग आजादी के 75 वर्ष बाद भी कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोट बेजा के मजेड गांव में जल शक्ति विभाग की कोई भी पेयजल योजना नहीं है। हालांकि पंचायत स्तर पर गांव के लिए एक स्कीम द्वारा पानी पहुंच रहा था, लेकिन इस वर्ष हुई भारी बरसात के कारण पंचायत द्वारा बनाई गई परियोजना का नामोनिशान मिट गया है। फलस्वरूप गांव में पानी का संकट खड़ा हो गया है। गांववासियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को पेयजल योजना को हुए नुकसान की जानकारी दे दी है। वहीं, अब पंचायत के लिए इस परियोजना को बनाना किसी चुनौती से कम नहीं है। पेजयल परियोजना की पाईप ठीक हालत में है, लेकिन पेयजल टैंक के ऊपर भारी मलबा आ गया है, हालांकि टैंक को कोई नुकसान नहीं हुआ है। पंचयात के तहत आने वाली इस योजना के पेयजल स्टोर टैंक की कई वर्षों से सफाई भी नहीं हुई है। साथ ही विभाग की स्कीम न होने के कारण इसमें कोई दवाई (ब्लिचिंग पाउडर) भी नहीं डाला जाता है। गांववासियों द्वारा टैंक की समय-समय पर सफाई की जाती है। पेयजल लाइन की रिपेयर का कार्य ग्रामीणों द्वारा अपने खर्चे पर किया जाता रहा है। अब पंचयात ने प्रस्ताव पास कर कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी से आग्रह किया है कि बरसात में खत्म हुए पेयजल स्त्रोत का नवनिर्माण करवाया जाए व जल शक्ति विभाग की गिरि पेयजल योजना से उक्त गांव को जोड़ा जाए, ताकि लोगों को पीने का पानी मिल सके। युवा कांग्रेसी नेता पुष्पेंद्र कंवर व ग्रामीणों अरविंद सिंह, लाल सिंह, नरेंद्र सिंह, राजेेंद्र सिंह विपिन आदि ने बताया कि बरसात में पेयजल स्त्रोत खत्म हो गया है, जिस कारण गांव में पीने के पानी का गंभीर संकट पैदा हो गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार व विधायक से मांग की है कि पेयजल योजना का नवनिर्माण करवाया किया जाए।
कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर परवाणू से कुमारहट्टी तक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तकनीकी टीम ने पहाड़ों के दरकने के कारण का पता लगाया। इस टीम में आईआईटी रुड़की, आईआईटी मंडी और एनएचएआई के सेवानिवृत्त अधिकारी मौजूद थे। टीम ने चक्की मोड़ में मिट्टी के सैंपल भी भरे। इसी के साथ फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी से भी किस प्रकार की कटिंग की गई है, समेत कई प्रकार के इनपुट लिए हैं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण शिमला से भी कई प्रकार का डाटा टीम ने मांगा है। जैसे ही यह डाटा विशेष तकनीकी टीम के पास पहुंचता है, उसके बाद परवाणू-सोलन फोरलेन पर आगामी निर्माण कार्य के लिए रिपोर्ट तैयार की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस माह के अंत तक यह रिपोर्ट तैयार कर एनएचएआई को देगी। इसके बाद ही कई महत्वपूर्ण जगहों पर कार्य शुरू किया जाएगा। इसी टीम की रिपोर्ट के अनुसार चक्कीमोड़ पर निर्माण कार्य के लिए ड्राइंग तैयार की जाएगी। वहीं वर्तमान में भी चक्कीमोड़ में पहाड़ से मलबा नहीं रुक रहा है। भूस्खलन के बाद वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ रही है। वहीं परवाणू से सोलन के बीच कई जगह ऐसी हैं, जहां मलबा हटाना गले की फांस बनता जा रहा है। जैसे ही मलबा हटाया जा रहा है, वैसे ही पहाड़ी से भूस्खलन हो जाता है। परवाणू से कुमारहट्टी तक एनएचएआई की विशेष टीम ने दौरा किया है। कुछ डाटा एनएचएआई से भी मांगा है, जो टीम को जल्द दे दिया जाएगा। इसके बाद आगामी कार्य शुरू होगा। - आनंद दहिया, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई शिमला।
स्वास्थ्य एव परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने गत दिवस सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत आंजी के बडलयाणा गांव में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावितों को आश्वास्त किया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत आंजी, ग्राम पंचायत सपरुन व ग्राम पंचायत शामती के पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायतों से सम्बंधित समस्याओं से अवगत करवाया व पंचायतों में सामूहिक रूप में करवाए जाने वाले विकास कार्यों के बारे में भी स्वास्थ्य मंत्री को अवगत करवाया व मांग पत्र सौंपा।स्वास्थ्य मंत्री ने ग्रामीणों की मांगों पर विचार कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खंड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, मनोनीत पार्षद रजत थापा, ग्राम पंचायत आंजी की प्रधान कविता,ग्राम पंचायत सपरुन की प्रधान रेनू ,ग्राम पंचायत शामती के उपप्रधान राकेश मेहता, स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी अमित रंजन तलवार सहित पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।
शूलिनी यूनिवर्सिटी ने नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विस कंपनीज (नैसकॉम) के साथ साझेदारी में प्रौद्योगिकी में भविष्य के करियर और विज्ञान और प्रौद्योगिकी की लगातार विकसित हो रही दुनिया में सीखने और फिर से सीखने के महत्व पर एक सम्मेलन का आयोजन किया। यह सम्मेलन नैसकॉम, फ्यूचर स्किल्स और डिजिटल अड्डा का एक संयुक्त प्रयास था, जिसका उद्देश्य प्रौद्योगिकी-संचालित करियर के गतिशील परिदृश्य के लिए बिजनेस और आईटी के क्षेत्र के छात्रों को तैयार करना था। चांसलर प्रो. पीके खोसला ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया और तकनीकी प्रगति की तीव्र गति और नैसकॉम और शूलिनी जैसे संस्थानों के बीच सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रोफेसर अतुल खोसला कुलपति शूलिनी विश्वविद्यालय ने कहा कि कि समय तेजी से आगे बढ़ रहा है, और इसलिए नैसकॉम शूलिनी के साथ प्रशिक्षण और सहयोग की साझेदारी, करने के लिए ये कांफ्रेंस राखी गयी थी। इनोवेशन के अध्यक्ष आशीष खोसला, शूलिनी विश्वविद्यालय में वैश्विक सलाहकार बोर्ड के सदस्य अनुराग सिन्हा के साथ एक व्यावहारिक ऑनलाइन बातचीत में शामिल हुए। आईटी उद्योग में नौकरी की संभावनाओं की खोज पर पैनल चर्चा का आयोजन और संचालन नैसकॉम की सेक्टर स्किल काउंसिल का प्रतिनिधित्व करने वाली कामना जैन ने किया, इस सत्र में आकर्षक चर्चाएं हुईं, टेक महिंद्रा के योग्यता प्रमुख तारिक शर्मा ने छात्रों को अपने पाठ्यक्रमों के साथ-साथ उद्योग के लिए तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित किया। वूस्पर इन्फोटेक के निदेशक और सीईओ रमनजीत सिंह ने छात्रों को तकनीकी कौशल के साथ-साथ रणनीतिक योजना पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। इनोवेशन के अध्यक्ष आशीष खोसला ने इस पैनल चर्चा के दौरान भविष्य के कौशल के साथ शूलिनी की साझेदारी की घोषणा की। सॉफ्टप्रोडिजी के सीईओ सौम्यजीत चक्रवर्ती और हिटबुल्सआई के सह-संस्थापक हिरदेश मदान जैसे उद्योग विशेषज्ञों वाले पैनल ने मूल्यवान अंतर्दृष्टि प्रदान की और क्षेत्र के अनुभव, इंटर्नशिप की तैयारी और बहुत कुछ के बारे में छात्रों के सवालों के जवाब दिए। सम्मेलन का समापन शूलिनी विश्वविद्यालय में प्रबंधन विज्ञान के डीन प्रोफेसर मुनीश सहरावत के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी एक क्षैतिज पैमाना है, इसलिए सहयोग और पुनर्कल्पना आगे बढ़ने का रास्ता है।
-सौरभ वैद और दरशोक ठाकुर को चुना वरिष्ठ उपाध्यक्ष - प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के सभागार में संपन्न हुए चुनाव प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के चुनाव आज प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के सभागार में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एसएस जोगटा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चुनाव प्रभारी लाल सिंह चावला तथा सह प्रभारी हेम सिंह ठाकुर की देखरेख में संपन्न हुए। चुनाव में सभी 12 जिलों के अध्यक्षों तथा उनके प्रतिनिधि और 90 विभिन्न कर्मचारी संगठनों केअध्यक्ष-महासचिव व अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभागार में लगभग 1100 कर्मचारी उपस्थित रहे। चुनाव में प्रदीप ठाकुर को सर्वसम्मति से प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का अध्यक्ष चुना गया। चुनाव में सौरभ वैद जिला कांगड़ा तथा दरशोक ठाकुर जिला हमीरपुर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। महासचिव भरत शर्मा जिला शिमला तथा कोषाध्यक्ष इंद्रजत शर्मा जिला सिरमौर से चुने गए। शमशेर ठाकुर मुख्य सलाहकार, कुशल शर्मा मुख्य प्रवक्ता, एम आर वर्मा मुख्य संरक्षक, पंकज शर्मा मीडिया प्रभारी, सुनील तोमर उपाध्यक्ष, नसीब सिंह, सोनम, मोहनलाल कश्यप, हंसराज उपाध्यक्ष रजनीश प्रवक्ता, अंकुर सचिव, ईश्वर उपाध्यक्ष, प्रवेश, हितेश शर्मा सचिव, कश्मीर सचिव, विनोद सलाहकार, नवीन रविकांत सोलन उपाध्यक्ष, मराठा सलाहकार, देव नेगी कार्यालय सचिव, नित्यानंद, रामेश्वर, कंवर सिंह ठाकुर, सुनीता मेहता उपाध्यक्ष, संजय कुमार, रजनीश, कमल शर्मा, सुरेश कुमार, जीवन गौतम, सरवन, पूजा सेन, भावना ठाकुर इत्यादि को राज्य कार्यकारिणी में चुना गया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने उन्हें अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का अध्यक्ष चुनने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त कार्यकारिणी कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हेतु प्रयास करेगी, जिसके लिए आज शाम को ही कार्यकारिणी की बैठक कर रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने प्रदेश भर से पहुंचे सभी कर्मचारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जल्द प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलकर सभी समस्याओं को उनके समक्ष रखा जाएगा। उनसे जल्द संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक हेतु भी आग्रह किया जाएगा, ताकि संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक में कर्मचारियों के सभी समस्याओं का निपटारा हो सके।
- कहा, बजट भाषण में प्रदेश से किए गए वादे भूली सरकार -मुख्यमंत्री बताएं- हरित प्रदेश से जुड़ी योजनाओं में क्या काम हुआ और कितने लोगों को लाभ मिला नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देश का पहला हरित राज्य बनाने का दावा कहां गया। शपथ ग्रहण से लेकर बजट तक मुख्यमंत्री ने हिमाचल को देश का पहला हरित राज्य बनाने को लेकर बड़ी-बड़ी बातें कहीं थीं। सरकार बने 9 महीने और विधानसभा में बजट को आए लगभग 7 महीने का समय बीत गया है। इस दौरान सरकार ने हिमाचल को हरित प्रदेश बनाने की दिशा में कौन से कदम उठाए हैं। इस बात का जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेढ़ हजार इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा एचआरटीसी में शामिल करने और निजी बसों के संचालकों को इलेक्ट्रिक वाहन लेने पर सब्सिडी देने की घोषणा थी, परिवहन मंत्री प्रदेश को बताएं कि कितने निजी बस संचालकों को यह सब्सिडी अब तक दी गई है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इन सारे वादों, सारी योजनाओं की घोषणा मुख्यमंत्री ने बिना किसी प्लान के ही कर दी थी। इसलिए आज तक इन योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो पाया है और जिस प्रकार यह सरकार काम कर रही है उससे यह साफ़ है कि इनकी हिमाचल को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की कोई नीयत नहीं है। नालागढ़ में मेडिकल डिवाइसेज में गाड़ी लगाने को हुआ गोलीकांड दुर्भाग्यपूर्ण नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नालागढ़ के मेडिकल डिवाइसेज पार्क में गाड़ी लगाने को लेकर हुए गोलीकांड को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। प्रेस वक्तव्य जारी करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया पूरी तरह से हावी है। इस तरह की घटनाएं प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को प्रभावित करेंगी और प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को भी समाप्त कर देंगी। प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र में आए दिन इस तरह की वर्चस्व की लड़ाई देखने को मिल रही हैं। माफिया की इस तरह के मनोबल का क्या कारण हैं। उन्हें कौन शह दे रहा है। मुख्यमंत्री को यह पता होना चाहिए। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से प्रदेश में पनप रहे इस तरह के संगठित माफिया राज के ख़िलाफ़ अभियान चलाकर कठोर से कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
गांव बटेड़ में दो नेपालियों की आपस में हुई मारपीट में एक की मौत होने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के मुताबिक दाड़लाघाट थाने में 6 सितंबर को मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने मामले के बारे पूछताछ तो पाया कि नेपाली मूल के ये लोग पिछले करीब 2 महीने से गांव बटेड़ में मिट्टी के कच्चे मकान में रहते हंै। 6 सितंबर को जन्माष्टमी पर धर्मराज शराब पीने लगा। समय करीब 10 बजे जब ये लोग वापस आए तो इन्होंने देखा कि धर्मराज अचेत अवस्था में सोया हुआ था औऱ उसने बिस्तर के साथ ही उल्टी की हुई थी। उसके बाद इन्होंने अपने मालिक और प्रधान ग्राम पंचायत हनुमान बडोग को फोन किया। उन्होंने बताया कि धर्मराज की मृत्यु अधिक मात्रा में शराब पीने के कारण हुई है। इसके उपरांत पुलिस धर्मराज को मेडिकल करवाने हेतु अर्की अस्पताल ले गई। जहां पर धर्मराज को मृत घोषित कर दिया गया। इसके उपरांत धर्मराज के शव को शव गृह में रख दिया गया। लाश का बारीकी से निरीक्षण करने पर उस पर मारपीट के निशान पाए गए। लाश को पोस्टमोर्टम हेतु आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। 8 सितंबर को मृतक के भाई व अन्य परिजनों के सामने शव का गहनता से निरीक्षण किया गया तथा पाया गया कि मृतक की मृत्यु अत्यधिक मारपीट करने व स्ट्रैंगुलेट करने के कारण हुई है, जो संदिग्ध है। मामले में जांच के दौरान पाया गया है कि 5 सितंबर की शाम को धर्मराज की साथी काली बहादुर से मारपीट हुई थी तथा 6 सितंबर को सुबह जब धर्मराज की तबीयत ज्यादा खराब हो गई तो वे लोग उसे उपचार हेतु प्राईवेट क्लीनिक धुंधन ले गए थे। धर्मराज की ज्यादा तबीयत खराब होने पर इसे बिस्तर पर लेटा दिया था। पुलिस को सूचना मिलने पर धर्मराज को परिजन उपचार हेतु अर्की अस्पताल ले गए थे, जहां पर धर्मराज को मृत घोषित किया गया था। जांच में पाया गया कि धर्मराज की मृत्यु काली बहादुर द्वारा मारपीट करने के कारण हुई है। पुलिस ने 8 सितंबर को काली बहादुर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगामी जांच जारी है।
पेंशनर्स एसोसिएशन इकाई कुनिहार की मासिक बैठक इकाई अध्यक्ष जगदीश सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में सरकार से महंगाई भत्ते की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान करने का अनुरोध किया गया। सरकार से यह भी मांग की गई कि 2016 के बाद रिटायर हुए पेंशनरों को बढ़ी हुई पेंशन की अदायगी शीघ्र की जाए। बैठक में सभी कार्यकारिणी के सदस्यों से आग्रह किया गया कि हर महीने की 7 तारीख को पेंशनर कार्यालय कुनिहार में बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि पेंशनरों की समस्या पर चर्चा कर उनका हल किया जा सके।
वरिष्ठ लेखिका डॉ. नलिनी विभा 'नाजली' को 'आजीवन साहित्य उपलब्धि सम्मान' चार युवा लेखिकाओं-डॉ. प्रेरणा ठाकरे, डॉ. देवकन्या ठाकुर, दीप्ति सारस्वत 'प्रतिमा' और डॉ. देविना अक्षयवर को मिलेगा 'युवा साहित्य सृजन सम्मान' देश और प्रदेश में अपने अनूठे साहित्यिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय सोच के कार्यक्रमों के लिए प्रतिष्ठित हिमालय साहित्य संस्कृति एवं पर्यावरण मंच पांच महिला लेखिकाओं को उनके हिंदी और हिंदी साहित्य के क्षेत्र में दिए रहे उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित करेगा। इन रचनाकारों में हिंदी और उर्दू की प्रख्यात वरिष्ठ लेखिका-गजलकार डॉ. नलिनी विभा 'नाजली' को 'आजीवन उपलब्धि साहित्य सम्मान' और चार युवा लेखिकाओं-डॉ. प्रेरणा ठाकरे (नीमच मध्य प्रदेश), डॉ. देवकन्या ठाकुर, दीप्ति सारस्वत 'प्रतिमा' व डॉ. देविना अक्षयवर को 'हिमालय युवा साहित्य सम्मान' से अलंकृत किया जाएगा। यह जानकारी प्रख्यात लेखक व हिमालय साहित्य मंच के अध्यक्ष एसआर हरनोट ने आज शिमला में एक प्रेस नोट जारी कर मीडिया को दी। सम्मान समारोह शिमला में अक्तूबर मास में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथियों की घोषणा जल्दी ही की जाएगी। डॉ. नलिनी विभा 'नाजली' वरिष्ठ लेखिका डॉ. नलिनी विभा 'नाजली' का नाम एक शायरा/गजलकार के रूप में देश भर में प्रख्यात है। उनके अब तक 13 गजल संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं जिनमें दो पुस्तकें बच्चों के लिए भी शामिल हैं। हाल ही में उनका गजलों का वृहद् गं्रथ 'दीवान-ए-नाजली' प्रकाशित हुआ है जिसमें उनकी पांच सौ के करीब गजलें संग्रहीत हैं। नाजली को प्रदेश और देश के अनेक पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। डॉ. प्ररेणा ठाकरे डॉ. प्ररेणा ठाकरे की मूल भाषा मराठी है, जबकि वे पिछले लगभग 25 सालों से हिंदी की मंचीय कविता में बेहद सक्रिय हैं और अपने प्रदेश में एक सैलेब्रिटी की तरह लोकप्रिय हैं। हिंदी साहित्य में पीएचडी डॉ. प्रेरणा ठाकरे मध्य प्रदेश के नीमच में एक सरकारी कॉलेज में हिन्दी की आचार्य हैं। मंचीय कविता और बच्चों को कई व्यवहारिक सम सामायिक विषयों को पढ़ाने में उनकी महारथ है। वे हिंदी कविता, गजल और कहानी लेखन में सम्मान रूप से सक्रिय हैं। उनकी अबतक कविता और गजलों की चार और कहानी की एक पुस्तक प्रकाशित हैं। वे कई राज्य सम्मानों से अलंकृत हैं। डॉ. देवकन्या ठाकुर डॉ. देवकन्या ठाकुर हिंदी साहित्य और फिल्म निर्माण में सक्रिय हैं। अब तक अंग्रेजी और हिंदी में पांच पुस्तकें प्रकाशित हैं और हिमाचल के कई दुर्लभ विषयों में कई फिल्मों का निर्माण कर चुकी है जिन्हें कई राज्य और राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। पिछले कई सालों से देवकन्या ठाकुर शिमला अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का सफल संचालन कर रही है। दीप्ति सारस्वत 'प्रतिमा' दीप्ति सारस्वत 'प्रतिमा' लेखन के साथ अध्यापन में रहते हुए हिन्दी की सेवा कर रही है। उनकी अब चार कविता और एक कहानी की पुस्तक प्रकाशित हो चुकी है। साथ ही डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। डॉ. देविना अक्षयवर डॉ. देविना अक्षयवर मूल रूप से मोरिशस की निवासी हैं, लेकिन जेएनयू में पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने स्थायी निवास शिमला बना लिया है। वे फ्रेंच भाषा की विद्वान भी हैं। इन दिनों शिमला के प्रतिष्ठित कॉलेज सैंट बीड्स में हिंदी की सहायक प्रोफेसर हैं। प्रवासी साहित्य को लेकर उनका अध्ययन हैं और वे कविता, कहानी और आलोचना में समान रूप से अपनी भूमिका निभा रही हैं।
छह विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों और आईसीएआर संस्थानों के 20 वैज्ञानिकों ने डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान और प्रशिक्षण स्टेशन मशोबरा का दौरा किया और सेब में सफल प्राकृतिक खेती परीक्षणों के बारे में जाना। यह दौरा विश्वविद्यालय द्वारा प्राकृतिक खेती पर आयोजित दो सप्ताह के राष्ट्रीय प्रशिक्षण का हिस्सा था। इस कार्यक्रम को आईसीएआर राष्ट्रीय कृषि उच्च शिक्षा परियोजना की संस्थागत योजना (एनएएचईपी आईडीपी) द्वारा समर्थित किया जा रहा है। हरियाणा, पंजाब, जम्मू और कश्मीर और हिमाचल के वैज्ञानिक प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं। यह दौरा सेब की खेती के लिए विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित प्राकृतिक खेती मॉडल को प्रदर्शित करने के लिए किया गया। डॉ. उषा शर्मा ने विश्वविद्यालय द्वारा प्राकृतिक खेती के तहत सेब पर किये गये विभिन्न सफल परीक्षणों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। प्राकृतिक खेती सेब प्रदर्शन बगीचे का एक भ्रमण भी आयोजित किया गया। विभिन्न सब्जियों जैसे गोभी, बीन और जंगली गेंदा आदि के बारे में समझाया गया, जो इस पर्यावरणीय कृषि पद्धति के तहत बहुस्तरीय फसल प्रणाली के तहत लगाए गए थे। परीक्षण के नतीजे प्रशिक्षुओं के साथ भी साझा किये गये। केंद्र के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. दिनेश ठाकुर ने भी प्रशिक्षुओं से बातचीत की और उन्हें स्टेशन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं के साथ विश्वविद्यालय की प्राकृतिक कृषि टीम के सदस्य डॉ. कुलदीप ठाकुर भी उपस्थित रहे। गांव धगोगी में किसानों के खेतों का दौरा भी किया गया, जहां मोहन वर्मा, खिमी देवी और कपिल वर्मा ने सेब के साथ-साथ अपनी आय बढ़ाने के लिए उनके द्वारा उगाई जाने वाली शिमला मिर्च, बीन, भिंडी और खीरा जैसी अतिरिक्त फसलों के लिए अपने प्राकृतिक खेती मॉडल दिखाए। किसानों ने प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें बताया कि कैसे प्राकृतिक खेती को अपनाने से उन्हें अपनी आय में सुधार करने में मदद मिली है।
शूलिनी विश्वविद्यालय के योगानंद सेंटर फॉर थियोलॉजी (वाईसीटी) ने विश्वविद्यालय परिसर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी शाम का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न शैक्षणिक विषयों के छात्रों की अटूट भक्ति और उत्साह का प्रदर्शन हुआ। यह आयोजन, आध्यात्मिक गतिविधियों की एक श्रृंखला द्वारा चिह्नित किया गया। उत्सव की शुरुआत भगवान कृष्ण की भक्ति के साथ सत्र की शुरुआत संचालन निदेशक ब्रिगेडियर मेहता और प्रबंधन विज्ञान संकाय की मीनाक्षी अहलावत ने की। प्रबंधन, कानून, उदार कला, विज्ञान और इंजीनियरिंग सहित विविध पृष्ठभूमि के छात्रों ने विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लिया, जो भगवान कृष्ण के प्रति उनकी गहरी भक्ति और असीम उत्साह को दर्शाता है। क्रिएटिव स्टूडियो के छात्रों द्वारा मटकी सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें पलक, सुहानी और मोनिका विजेता रहीं। शाम का समापन एक मनभावन भजन संध्या और आरती के साथ हुआ, जिसके बाद प्रसाद का वितरण हुआ, जिससे उपस्थित सभी लोगों के बीच दिव्य आनंद और एकता का माहौल बन गया। शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रबंधन विज्ञान संकाय और योगानंद सेंटर फॉर थियोलॉजी की समन्वयक डॉ. सुप्रिया श्रीवास्तव ने चांसलर प्रो. पीके खोसला, कुलपति प्रो. अतुल खोसला और विवेक अत्रे पूर्व (आईएएस), वाईसीटी, शूलिनी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष, के समर्थन से इन आध्यात्मिक रूप से समृद्ध गतिविधियों का आयोजन किया।
-स्वास्थ्य मंत्री ने ठोडो मैदान में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का किया शुभारंभ स्वास्थ्य एव परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि समग्र व्यक्तित्व निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। डॉ. शांडिल आज यहां एतिहासिक ठोडो मैदान में सोलन हॉकी क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों एवं अन्य को संबोधित कर रहे थे। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में 16 वर्ष से अधिक आयुवर्ग की 14 टीमों के लगभग 200 महिला व पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर कहा कि खेल युवाओं को परिपक्व बनाकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, समर्पण और एक निष्ठ प्रयास आवश्यक हैं तथा खेल हमें इन सभी गुणों को आत्मसात करने में निपुण बनाते हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत को पूरे विश्व में हॉकी के बेहतरीन खिलाड़ियों के लिए जाना जाता है। गत ऑलम्पिक खेलों में हॉकी में कांस्य पदक जीतकर भारत पुन: हॉकी में अपना लोहा मनवाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय हॉकी अपना खोया वैभव प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है। डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्राम स्तर तक खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्यरत है। बेहतर सुविधा युक्त खेल मैदान निर्मित करने के लिए योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलन में हॉकी खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए एस्ट्रोटर्फ मैदान विकसित करने की सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सोलन में बेहतर सुविधा युक्त स्टेडियम भी निर्मित किया जाएगा। उन्होंने आशा जताई कि यह प्रतियोगिता ख्लिाड़ियों की प्रतिभा निखारने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि अपने युवा साथियों को नशे से दूर रखने में निर्णायक भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हिमाचल को प्राकृतिक आपदा के कारण अप्रत्याशित नुक्सान उठाना पड़ा है। उन्होंने युवाओ से आग्रह किया कि प्रदेश के पुनर्निर्माण में रचनात्मक सहयोग प्रदान करें। डॉ. शांडिल ने सोलन हॉकी क्लब को अपनी एच्छिक निधि से एक लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। सोलन के प्रसिद्ध व्यवसायी विनोद गुप्ता ने इस अवसर पर डॉ. शांडिल को मुख्यमन्त्री राहत कोष के लिए 51,000 रुपए का चैक भेंट किया। प्रतियोगिता के आयोजकों द्वारा अवगत करवाया गया कि सोलन हॉकी क्लब की ओर से गत चार वर्षो से हॉकी को बढ़ावा देने के लिए युवाओ को नि:शुल्क प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। नगर निगम सोलन की महापौर पूनम ग्रोवर, जोगिेंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश सूद, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव कुनाल सूद, अस्पताल रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, वरिष्ठ कांगे्रसी नेता सुशील चोधरी, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा, उप मंडलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, सोलन हॉकी क्लब के अध्यक्ष कैप्टन एसपी जगोता, आयोजक सचिव पंकज गुप्ता, अन्य सदस्य, गणमान्य अतिथि तथा खिलाड़ी इस अवसर पर उपस्थित थे।
-श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर कुमारहट्टी में आयोजित की गई प्रतियोगिता श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर वीरवार को कुमारहट्टी में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पिंकू इलेवन की टीम ने मटकी फोड़ कर खिताब पर कब्जा किया। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने विजेता टीम को ट्रॉफी व इनाम की राशि देकर पुरस्कृत किया। कुमारहट्टी के वीरभद्र खेल परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह में हजारों ग्रामीण उपस्थित थे। विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कृष्ण सखा मंडल को अपनी ओर से इक्कीस हजार रुपये की राशि भेंट की। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन हुआ। वहीं, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम में सर्व हितकारी शिक्षा निकेतन कुमारहट्टी, मानव एकता पब्लिक स्कूल सुल्तानपुर, पाइन व्यू स्मार्ट स्कूल कुमरहट्टी के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत अघोरी की झांकी, राधा कृष्ण व काली माता की झांकी भी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। आयोजन में बच्चों की स्पून रेस, कॉपी रेस, महिलाओं व पुरुषों की म्यूजिकल चेयर रेस, व रस्साकशी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन नवीन सूद ने किया। व्यापार मंडल व कृष्ण सखा मंडल ने विधायक विनोद सुल्तानपुरी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, जिला परिषद सदस्य राजेंद्र ठाकुर, अनहेच पंचायत के प्रधान मोहनलाल कंवर, बड़ोग पंचायत के उप प्रधान गुरुदेव शर्मा,भानु गर्ग, रूपलाल ठाकुर बड़ोग, कुणाल गर्ग, आकाश ठाकुर, रजत सूद, साहिल बंसल,मुकेश ठाकुर, हिमांशु सूद, अजय ठाकुर, वरुण अग्रवाल, मोंटू अग्रवाल, अंकुश सूद, संदीप अग्रवाल, सनी सूद, रूप लाल ठाकुर सुल्तानपुर, कुंदन वर्मा, देवेंद्र गुप्ता,सौरभ अग्रवाल, हार्दिक ठाकुर, प्रताप ठाकुर,जयपाल अग्रवाल, हंसराज सूद, गौरव गुप्ता, विजय गर्ग, अशोक सूद, जियालाल ठाकुर, ज्ञान अग्रवाल, राजेश गुप्ता व अन्य गाने मान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सुलतानपुरी ने खेलों में प्रथम आए बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों व विभिन्न खेलों के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जहां आपसी भाईचारा बढ़ता है। वहीं बच्चों को अपनी संस्कृति को पहचानने का भी अवसर मिलता है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में, मटकी फोड़ प्रतियोगिता को शुरू करने की शुरुआत भी कुमारहट्टी से ही हुई थी। कृष्ण सखा मंडल इस कार्यक्रम को पिछले अठारह वर्ष से लगातार आयोजित करवा रहा है। इसे देखने के लिए कुमारहट्टी के अलावा बड़ोग, सुलतानपुर, सोलन, धरमपुर, कसौली, गड़खल, सुबाथू, डगशाई,व भोज नगर से लोग हजारों लोग पहुंचे हुए थे।
कहा- लोकतंत्र में विकास के लाभ लक्षित वर्गों तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधि महत्वपूर्ण मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य एव परिवार कल्याण, लोक निर्माण तथा सूचना एवं जन संपर्क) संजय अवस्थी ने कहा कि लोकतन्त्र में विकास के लाभ लक्षित वर्गों तक पंहुचाने में जन प्रतिनिधि महत्वपूर्ण माध्यम हैं। संजय अवस्थी आज सोजल जिला के अर्की में नगर पंचायत अर्की के 3 मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के उपरान्त उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी की गरिमामयी उपस्थिति में आज अर्की में आयोजित एक सादे समारोह में नगर पंचायत अर्की के मनोनीत पार्षद के रूप में कुलदीप सूद, विनय वशिष्ठ तथा प्रदीप शर्मा को शपथ दिलाई गई। अर्की के उप मंडलाधिकारी यादविंद्र पाल ने मनोनीत पार्षदों को और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्य संसदीय सचिव ने पार्षदों के मनोनयन के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि सभी पार्षद जन अपेक्षाओं पर खरा उतरेगेें। उन्होंने कहा कि अर्की को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। इस दिशा में नगर पंचायत अर्की के पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान सरकार अर्की के विकास को नई दिशा प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन, शिक्षा, लोक निर्माण एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में अधोसरंचनात्मक बदलाव किए जा रहे हैं। इनसे समूूचा क्षेत्र लाभान्वित होगा। उन्होंने कहा कि अर्की के प्राचीन धार्मिक स्थल बाड़ीधार को विकसित करने से क्षेत्र में रोज़गार एवं स्वरोज़गार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि अर्की के विकास को गति प्रदान करने के सभी प्रयासों को प्रदेश सरकार का संबल प्राप्त होगा। अवस्थी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण अस्त-व्यस्त प्रदेश को पुन: विकास के मार्ग पर अग्रसर करने में सभी को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करना होगा। इस अवसर पर खंड कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष हेमेंद्र गुप्ता, जिला कांग्रेस महासचिव राजेंद्र रावत, युवा कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष हेमंत वर्मा, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, पार्षद धर्मपाल शर्मा, भारती वर्मा, रुचिका गुप्ता, अंजू, ग्राम पंचायत चम्यवाल की पूर्व प्रधान उर्मिला, रोहांज जलाना की प्रधान सुनीता गर्ग, खंड कांग्रेस अर्की के कोषाध्यक्ष रोशन वर्मा, धर्मपाल गौतम, सचिव डीडी कश्यप, पार्षद हेमलता शर्मा सहित अन्य गणमान्य एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
छात्र-छात्राओं ने स्किट के माध्यम से फिजियोथेरेपी के बारे में किया जागरूक जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय फिजियोथेरेपी दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, फिजियोथेरेपी विभाग के शिक्षक, अन्य विभागों के विभागाध्यक्ष एवं समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभाग के बच्चों ने फिजियोथैरेपी विषय के महत्व और वर्तमान समय में बढ़ती मांग के बारे में बताया। वहीं, कार्यक्रम में विभाग के बच्चों ने स्किट, नाटी, भांगड़ा, गायन, भाषण आदि की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ की गई। कार्यक्रम में नालागढ़ सिविल अस्पताल में सेवारत सीनियर फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. पुनीत सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। डॉ. पुनीत सिंह ने बताया कि इस वर्ष विश्व फिजियोथेरेपी दिवस का थीम अर्थराइटिस है। इसमें अर्थराइटिस के विभिन्न प्रकार और उनके प्रभाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके पश्चात फिजियोथेरेपी विभाग के छात्र-छात्राओं ने नाटी और भांगड़ा की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्किट प्रस्तुत करके फिजियोथेरेपी का महत्व बताया। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक पुरी ने अपने संदेश में कहा कि बदली जीवन शैली के कारण अर्थराइटिस सहित अन्य समस्याओं से बचाव के लिए फिजियोथेरेपी सहायक सिद्ध हो रही है। फिजियोथेरेपी विषय के बारे में सही जानकारी होने पर हम इन बीमारियों से निजात पा सकते हैं।
बिलासपुर जिले के लुहणु मैदान में चल रही अग्निवीर सेना भर्ती रैली में हजारों की संख्या में युवा भारतीय सेना में शामिल होने के लिए भाग ले रहे हैं। जिला ऊना के गांव नलवाड़ी तहसील बंगाना के जुड़वा भाई सौरव कुमार और गौरव कुमार जो हमीरपुर में हुई रैली में सफल नहीं हो पाए थे, लुहणु मैदान में आयोजित रैली में उन्होंने अपनी सफलता का परचम लहराया। आश्चर्यजनक बात यह है कि दोनों जुड़वा भाई एक साथ सभी पायदानों को पार करते हुए सेना के लिए चुने गए हैं। विगत रैली की असफलता से सबक लेकर दोनों भाइयों ने कठोर परिश्रम के साथ सभी बाधाओं को पार करने की मन में ठानी। माता-पिता के आशीर्वाद तथा विभिन्न लोगों से प्रेरणा प्राप्त कर इस रैली में सफल हुए इन दोनों भाइयों का कहना है कि सेना भर्ती रैली में परिश्रम के माध्यम से ही स्थान पाया जा सकता है। सौरव और गौरव का कहना है कि रैली से पूर्व सी टेस्ट की सुविधा होने से छंटनी हो कर अभ्यर्थी शारीरिक क्षमता के विभिन्न आयोजनों में भाग लेता है। इससे दौड़ने में अधिक भीड़ न होने से अभ्यर्थी द्वाराअपनी क्षमता को बेहतर रूप में प्रदर्शित किया जा सकता है। उन्होंने इस प्रक्रिया को प्रारंभ करने के लिए सेना का आभार व्यक्त किया। दोनों भाईयों ने शैक्षणिक क्षेत्र में भी उत्कृष्ट मुकाम प्राप्त किया है बावजूद इसके अन्य विकल्पों के होते हुए भी उन्होंने सेना में भर्ती होकर देश सेवा को सबसे बेहतर विकल्प के रूप में चुना। इनके पिता बलवंत सिंह का कहना है कि उन्होंने इन दोनों बेटों को सेना के लिए समर्पित किया है यद्यपि एक और बेटा है जो मानसिक दिव्यांग है। उन्होंने अग्नि वीर सैन्य भर्ती के प्रति अपनी पूरी आस्था जताते हुए बच्चों द्वारा किए गए प्रदर्शन पर प्रसन्नता जाहिर की। ऐसे ही जिला हमीरपुर के काकडियार के जुड़वा भाई अखिल राठौर और निखिल राठोर भी इस रैली में अपने बचपन के सपने को साकार करने में सक्षम हुए हैं। बड़े भाई व बहुत से परिवार जन भारतीय सेना में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं यही जज्बा अखिल और निखिल के मन में भी भरा हुआ था यह दोनों भाई बताते हैं कि अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्हें जहां परिवारजनों से प्रेरणा मिली वही गांव के कुछ लोग भी मार्गदर्शक बने। यह फौज में अपने सुनहरे भविष्य को संवारने के लिए आतुर है। अखिल और निखिल कहते हैं कि आज बहुत से युवा भारतीय सेवा का अंग प्रत्यंग बन देश की सेवा के लिए तत्पर है युवाओं में इसके लिए होड़ लगी है। जिला ऊना के हरोली क्षेत्र से संबंध रखने वाले मनीष कुमार ने जमा दो की परीक्षा 92 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की परिवार तथा स्वयं के समक्ष जीवन यापन के लिए अनेक विकल्पों में से इन्होंने सेना में जाकर देश के प्रति अपने कर्तव्य के निर्वहन को ही सबसे उचित समझा। मनीष कुमार का कहना है कि अग्नि वीर सैनिक में यदि योग्यता और समर्थ है तो वह सेना में लंबे समय के लिए अपनी सेवाएं प्रदान कर सकता है। गौरतलब है कि लुहणु मैदान में आयोजित अग्नि वीर भर्ती रैली में बहुत से ऐसे युवाओं ने भाग लिया जो न केवल शैक्षणिक योग्यता में उत्कृष्ट मुकाम हासिल किए हुए थे, अपितु अन्य वोकेशनल ट्रेनिंग या किसी और विषय में भी महारत रखते थे, किंतु इन्होंने उन सब को दरकिनार कर भारतीय सेना का सिपाही बन देश के प्रति अपने कर्तव्य को पूरा करने का लक्ष्य ही चुना।
हिमाचल प्रदेश के बहुचर्चित 250 करोड़ के छात्रवृत्ति घोटाले में निजी शिक्षण संस्थान फर्जी दावे करते रहे और शिक्षा विभाग के अधिकारी इन दावों को सत्यापित करते रहे। सीबीआई की जांच में इसका खुलासा हुआ है। ईडी की ओर से गिरफ्तार चार आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ है। मामले में हर स्तर पर अनियमितताएं बरती गई हैं। आरोप हैं कि निजी शिक्षण संस्थान और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से छात्रवृत्ति का बजट जारी हुआ है। इन आरोपियों के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम-2002 के प्रावधानों के कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपियों की संपत्ति, बैंक खाते से लेनदेन, कैसे छात्रवृत्ति को इधर से उधर किया गया, इसे लेकर प्रवर्तन निदेशालय बारीकी से जांच कर रहा है। उल्लेखनीय है कि ईडी ने छात्रवृत्ति घोटाले में एएसएएमएस एजुकेशन ग्रुप के पार्टनर राजदीप जोसन और कृष्ण कुमार, केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट पंडोगा के उपाध्यक्ष हितेश गांधी और प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशालय की छात्रवृत्ति शाखा के तत्कालीन अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोप हैं कि निजी शिक्षण संस्थान ने फर्जी दस्तावेज पेश करके अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित विद्यार्थियों के लिए पोस्ट-मैट्रिक योजना में छात्रवृत्ति घोटाला किया। यह है मामला छात्रवृत्ति घोटाले में ईडी ने सीबीआई शिमला की ओर से दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की है। आरोप लगाया गया था कि राज्य शिक्षा विभाग, निजी संस्थान और बैंक अधिकारी 250 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति निधि के वितरण में बड़े पैमाने पर गलत विनियोजन में शामिल थे। इस मामले में सीबीआई और ईडी कई अधिकारियों और निजी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सोलन की रहने वाली एक महिला ने सोलन थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि 7 सितंबर को जब वह अपनी ड्यूटी पर थी तो एक बाबा उनकी शॉप में आया और पैसे मांगने लगा। महिला ने उसे 5 रुपये दिए तो बाबा कहने लगा कि यह कम हंै। उसने 100 रुपये का नोट दिया, फिर बाबा ने आशीर्वाद के लिए इसके सिर पर हाथ रखा व संस्कृत में मंत्र पढ़ने लगा। महिला ने बताया कि उसे उस समय कुछ पता नहीं चला तथा बाबा जब वहां से चला गया तो उसके दाहिने हाथ की मीडल अंगुली में पहनी हुई सोने की अंगुठी गायब थी। अंगुठी की करीब 50000 रुपये है। शिकायत पर सोलन थाने में मामला दर्ज कर अन्वेषण शुरू किया गया और फरार बाबा के बारे में सभी थानों को सूचित किया गया। आरोपी बाबा सुखविंदर नाथ, निवासी संगरूर, पंजाब अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया था, जिसे परवाणू पुलिस ने इंटरसेप्ट किया और इसे गिरफ़्तार कर सदर थाने में मुक़दमा चलाया गया है। आरोपी से चोरी की गई सोने की अंगूठी भी बरामद कर ली गई है।
केंद्र सरकार को भेजी 10 करोड़ रुपये की डीपीआर हिमाचल सरकार प्रदेश में तीन नए नर्सिंग कॉलेज खोलेगी। यह कॉलेज चंबा, हमीरपुर और जिला सिरमौर के नाहन में खोले जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने डीपीआर तैयार कर केंद्र को भेज दी है। तीनों नर्सिंग कॉलेज में आधारभूत ढांचा विकसित करने पर 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रति नर्सिंग संस्थान को 3 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि दी जानी है। वर्तमान में हिमाचल में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) और मंडी में दो ही सरकारी नर्सिंग कॉलेज हैं। जबकि नर्सिंग स्कूलों की संख्या 15 से ज्यादा है। प्रदेश सरकार ने नए खोले जाने वाले नर्सिंग कॉलेजों में 40-40 सीटें निर्धारित करने का फैसला लिया है। जैसे-जैसे आधारभूत ढांचा विकसित होगा। केंद्र सरकार से सीटें बढ़ाने की सिफारिश की जाएगी। हिमाचल में 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद बड़ी संख्या में छात्राएं नर्सिंग और मिडवाइफ के कोर्स कर रही हैं। निजी संस्थानों में नर्सिंग का कोर्स करने के लिए चार लाख रुपये से ज्यादा खर्च आता है। इसमें हॉस्टल, वर्दी व अन्य खर्चे भी शामिल हैं। हजारों की संख्या में छात्राएं यह कोर्स कर रही हैं। हालांकि सरकारी कॉलेजों फीस कम है। इसमें एक साल का खर्च करीब 70 हजार के पास रहता है। हिमाचल में नए नर्सिंग कॉलेज खुलने से कई और छात्राएं सरकारी संस्थानों में प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगी। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. सीता ठाकुर ने बताया कि हिमाचल में नए नर्सिंग कॉलेज खोलने के लिए 10 करोड़ रुपये की डीपीआर केंद्र को भेज दी गई है।
टीएचडीसीआईएल ने 4 सितंबर को अपने सम्मानित व्यवस्थापकों और निवेशकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें कंपनी के द्वारा इमीनेंट बांड जारी करने की तैयारी में पारदर्शिता और सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता जारी की गई। बैठक के दौरान कंपनी ने अपनी विकास संभावनाओं और वित्तीय स्थिति का व्यापक प्रस्तुतीकरण किया। इस बैठक के माध्यम से कंपनी के मूल्यवान व्यवस्थापकों और निवेशकों के साथ सार्थक बातचीत में शामिल होने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया गया, जिससे कंपनी की रणनीतिक दिशा की गहरी समझ को बढ़ावा मिला। इस बैठक में मुख्य सत्र जे बेहेरा, निदेशक (वित्त) के नेतत्ृव में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड टीम का व्यापक एवं उपयोगी विचार-विमर्श रहा। बेहेरा ने अपने संबोधन से टीएचडीसीआईएल की विस्तार रणनीतियों और क्रेडिट रेटिंग से संबंधित अनेक प्रश्नों का उत्तर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बातचीत कंपनी के बारे में अपने हितधारकों को पूर्ण रूप से संसूचित करने एवं कंपनी की वित्तीय रणनीतियों में उनके विश्वास को प्रोत्साहित करने की हमारी प्रतिबद्धता का उदाहरण प्रस्तुत करती है। बेहेरा ने बताया कि हमारी आगामी परियोजनाओं के चालू होने से कंपनी की क्रेडिट रेटिंग में उल्लखेनीय वृद्धि होने की आशा है। यह विकास हमारी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और हमारे निवेशकों को बेहतर मूल्य प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। इन चर्चाओं के अलावा, बैठक में आगामी बांड बोली प्रक्रिया के लिए शीघ्र तिथि निश्चित करने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। यह बैठक उत्पादनपरक बातचीत को बढ़ावा देने और कंपनी के वित्तीय दृष्टिकोण स्पष्टता जाहिर करने के लिए हमारे सक्रिय दृष्टिकोण र्का प्रतीक है। वहीं, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने बैठक की उपयोगिता पर बल देते हुए कहा कि अपनी कमीशन की गई परियोजनाओं के उत्कृष्ट अनुरक्षण के साथ-साथ विद्युत परियोजना का विकास हमारी मुख्य शर्त है।
रोटरी सोलन ने आज क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 7 नवजात शिशुओं (6 लड़कियों और 1 लड़के) को 1100 शगुन और आरटीएन भानु शर्मा के सौजन्य से नवजात किट और नवजात शिशुओं के लिए डायपर और माताओं के लिए खाने की सामग्री के रूप में अन्य उपहार देकर स्वागत किया। इस अवसर पर रोटरी के अध्यक्ष एमपी कंवर और आरटीएन विजय दुग्गल के अलावा रोटेरियन बीसी सहगल, डॉ. कमल अटवाल, भुवनेश विजय, सूरज गुप्ता, एसडी रतन और आरटीएन महेश गंभीर भी मौजूद रहे। आरटीएन एमपी कंवर ने इस कार्य के लिए माता-पिता और रोटरी सोलन के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने जन्माष्टमी के पवित्र अवसर पर अपने बेटे का जन्मदिन इस अनूठे अंदाज में मनाने के लिए और आरटीएन भानु शर्मा की सराहना की।
समेकित बाल विकास परियोजना सोलन की अनुश्रवण समिति, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा पोषण अभियान-2 की खंड स्तरीय बैठक का आयोजन आज यहां उपमंडलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। कविता ठाकुर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विभाग द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ज़िला में पोषण स्तर वर्गीकरण के दौरान अतिकुपोषित बच्चों को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में चलाए जा रहे डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेशन सेंटर में स्वास्थ्य जांच और परामर्श के लिए लाया जाए ताकि जिला को कुपोषण रहित बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पूरक पोषाहार कार्यक्रम के तहत सोलन खंड में 6 माह से 3 वर्ष के 3447 बच्चों, 3 से 6 वर्ष तक के 639 बच्चों व 1253 माताओं को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शालापूर्व शिक्षा कार्यक्रम के तहत 3 से 6 वर्ष के 639 बच्चों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोषण स्तर के वर्गीकरण के दौरान सोलन खण्ड में 6984 बच्चों का वज़न मापा गया। इसमें से 6780 बच्चों का वजन सामान्य पाया गया जबकि 178 बच्चों का वज़न मध्यम और 26 बच्चे अतिकुपोषित पाए गए। उन्होंने कहा कि सोलन खण्ड में मार्च तक बाल मृत्यु दर 11.28 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि सोलन खण्ड में एक वर्ष तक के सभी बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा सभी लाभार्थियों की चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य जांच की जा रही है तथा लाभार्थियों के लिए विशेष शिविर का आयोजन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सोलन खण्ड में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत 1.02 लाख रुपए की राशि, विधवा पुर्नविवाह योजना के अंतर्गत 65 हजार रुपए, मटर टेरेसा योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपए तथा शगुन योजना के अंतर्गत 3.72 लाख रुपए की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के अंतर्गत संरक्षण अधिकारियों के पास 55 शिकायतें प्राप्त हुई हंै। इन पर नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान 2.0 के तहत पोषण माह का आयोजन, सामुदायिक आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कविता ठाकुर ने कहा कि सोलन विकास खंड में प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र में ग्राम पंचायत स्तर पर बेटी जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में अवगत करवाया गया कि सोलन विकास खंड में इस अवधि में दहेज प्रतिरोधक अधिनियम, 1961, अनैतिक देह व्यापार निषेध अधिनियम, 1956 के तहत कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। हिमाचल प्रदेश विवाह पंजीकरण अधिनियम, 1996 के विषय में विभिन्न जागरूकता शिविरों में लोगों को अवगत करवाया जा रहा है। बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन कविता गौतम ने विभाग द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की गतिविधियों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक सोलन अनिल धोलटा एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर चमकने वाले अर्ध चंद्रमा का एक सुंदर अभिप्राय है कि यह वास्तविकता के व्यक्त और अव्यक्त दोनों आयामों, दृश्य भौतिक क्षेत्र और अदृश्य आध्यात्मिक क्षेत्र के मध्य सही संतुलन का प्रतिनिधित्व करता है, जो भगवान कृष्ण के दोनों लोकों के स्वामित्व को दर्शाता है। हम जिस युग में रह रहे हैं उसके लिए उनकी शिक्षाएं अद्वितीय और अति प्रासंगिक हैं। वे न तो आपको भौतिक गतिविधियों में डूबने देती हैं और न ही आपको पूरी तरह से उदासीनता की ओर ले जाती हैं। जब हम यह उत्सव मनाते हैं, तो हम प्रकृति में बिल्कुल विपरीत लेकिन पूरक गुणों को आत्मसात करते हैं और उन्हें प्रकट करते हैं। यह एक ऐसा कौशल है जो हमें उस कमल की तरह बनाता है जो कीचड़ में उगता तो है फिर भी जिसकी पत्तियां शुद्ध और कीचड़ से अछूती रहती हैं। कृष्ण का अर्थ है, वह जो सबसे मोहक और आकर्षक है, अर्थात स्वयं आत्मा। राधे-श्याम, व्यक्ति के अनंत से मिलन का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रत्येक प्राणी की आत्मा ही कृष्ण है। जब हम अपने अपने वास्तविक स्वरूप में बस जाते हैं, तो हमारा व्यक्तित्व खिल उठता है, हमारे भीतर कौशल विकसित है और जीवन में प्रचुरता आती है। कृष्ण को माखन चुराने के लिए जाना जाता है। इस रूपक का क्या अर्थ है? मक्खन वह है जो आपको किसी प्रक्रिया के अंत में मिलता है; दूध पहले दही बनता है, फिर उसे मथकर मक्खन प्राप्त किया जाता है। इसी तरह, जीवन में कई घटनाओं के माध्यम से मंथन की प्रक्रिया होती है। लेकिन अंत में जब मंथन समाप्त हो जाता है, तो हमें मक्खन अर्थात हमारे भीतर की पवित्रता प्राप्त होती है। भगवान कृष्ण के जन्म का उत्सव मनाने का पूरा सार, प्रतिकूल और अनुकूल दोनों परिस्थितियों में संतुलन बनाये रहना, प्रसन्न, केंद्रित और आनंदित रहना है। जब जीवन में सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा हो तो आप एक बड़ी मुस्कान रख सकते हैं, लेकिन यदि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी आप अपनी मुस्कान बनाए रख सकते हैं, तो आपको समझना चाहिए कि आपने जीवन में कुछ अद्भुत प्राप्त कर लिया है। यह तो हम कृष्ण के दृष्टिकोण से ही सीखते हैं! वे एक पैर धरती पर टिकाकर और दूसरा पैर धरती से ऊपर उठाकर खड़े हैं; जीवन में नृत्य तभी घटित हो सकता है। यदि आपके दोनों पैर भूमि पर टिके हुए हैं तो नृत्य नहीं हो सकता। यदि आपका मन हर समय सांसारिक चिंताओं में डूबा रहता है, तो आप नृत्य कैसे कर सकते हैं? साक्षी बनें। जब आप बिना लालसा या द्वेष के मन में अशांति को देख पाते हैं, तो आप उससे ऊपर उठ सकते हैं। इसलिए जब आप पछतावे और चिंताओं से परेशान हों, तो यह सोचने के बजाय कि यह कैसे नहीं होना चाहिए था, आपको बस समर्पण करने की आवश्यकता है। तब आप कृष्ण की तरह जीवन के उतार-चढ़ाव में नृत्य करने में सक्षम हों जाएंगे। इतने सारे लोग कृष्ण तक क्यों नहीं पहुंच पाते? कृष्ण कहते हैं, इसका कारण यह है कि उनका मन राग-द्वेष में डूबा हुआ है। जो व्यक्ति तीव्र लालसा रखता है या बहुत अधिक घृणा करता है वह मोह या आसक्ति के जाल में फंस जाता है। जब ऐसे व्यक्तियों को जीवन में धन या संबंधों में समस्याओं का सामना करना पड़ता है, तो उनका मस्तिष्क इससे ग्रस्त हो जाता है, वे अनगिनत घंटे, महीने या वर्ष चिंता में ही बिता देते हैं, इससे उबरने में सक्षम नहीं हो पाते, यह नहीं जान पाते कि भगवान कृष्ण कौन हैं। भगवान कृष्ण कहते हैं, जिनके पाप नष्ट नहीं होते वे अज्ञान और भ्रम में फंसे रहते हैं लेकिन जिनके पुण्य फल देने लगते हैं, वे अपने सभी दुखों से मुक्त हो जाते हैं और मेरी ओर आकर्षित होने लगते हैं। जब आप प्रबुद्धि की ओर चलना शुरू करते हैं, तो अज्ञानता का अंधकार नहीं रह सकता। पाप हमें इस यात्रा का आरंभ नहीं करने देता। यही वह बात है जो हमें दुख, पीड़ा और कष्ट देती है। लेकिन जब आप समझ जाते हैं कि आप यह शरीर नहीं, बल्कि शुद्ध चेतना हैं, तो आपके भीतर अपार शक्ति का उदय होता है। एक बार जब परमात्मा में विश्वास पैदा हो जाता है या अनुभव हो जाता है, तो आपको और कुछ करने की आवश्यकता नहीं होती। अपने विश्वास पर रत्ती भर भी संदेह न करें। ईश्वर को वास्तव में जानने और उसके प्रकाश में चलने का यही अर्थ है। कृष्ण सभी संभावनाओं; मनुष्य और ईश्वर होने के प्रत्येक पहलू के पूर्ण विकसित होने के प्रतीक हैं। जन्माष्टमी वह दिन है जब आप कृष्ण के विराट स्वरूप को एक बार फिर से इस चेतना में याद करते हैं और उनकी अनुभूति करते हैं। अपने वास्तविक स्वरूप को अपने दैनिक जीवन में प्रकट करना ही कृष्ण के जन्म का वास्तविक रहस्य है।


















































