-कहा, सरकार और विभाग की बड़ी लापरवाही, बच्चों का एक वर्ष बर्बाद भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा प्रदेश सरकार हिमाचल की शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दे रही है, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। इसको लेकर हमने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को एक पत्र में लिखा है। उन्होंने कहा कि शिमला जिले के गवर्नमेंट कॉलेज कुपवी में 70 में से केवल सात छात्रों ने बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण की है। परिणाम का 10 प्रतिशत रहना आश्चर्य की बात नहीं है। क्योंकि पिछले साल यह कॉलेज बिना किसी शिक्षक के संचालित हुआ था, जिससे सभी 70 छात्रों को अपनी किस्मत पर निर्भर रहना पड़ा। कॉलेज में केवल सात छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि नौ अन्य की कंपार्टमेंट आई है। 50 से अधिक छात्र असफल हुए हैं। दुर्भाग्यवश अभिभावक-शिक्षक संघ द्वारा संक्षिप्त अवधि के लिए दो निजी शिक्षकों को छोड़कर, पूरे सत्र में शिक्षक नियुक्त नहीं किए गए। खराब रिजल्ट के लिए छात्रों को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। इतने सारे छात्रों का एक कीमती साल बर्बाद हो गया क्योंकि अधिकारी पूरे साल एक भी नियमित शिक्षक नियुक्त नहीं कर सके। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, दुख देने वाला है। इस बच्चों का एक साल बर्बाद होने के लिए किसे ज़िम्मेदार ठहराया जाएगा? सरकार को यह बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले साल कड़वे अनुभव के कारण कई छात्रों ने कॉलेज छोड़ दिया है। कॉलेज की नामांकन संख्या इस दावे का समर्थन करता है, जबकि पिछले साल कॉलेज के पहले बैच में 70 छात्र थे, बीए प्रथम वर्ष और बीए द्वितीय वर्ष की संयुक्त संख्या इस वर्ष घटकर केवल 63 रह गई है। बीए द्वितीय वर्ष में छात्रों की संख्या और कम हो सकती है, विनाशकारी परिणाम के बाद और गिरावट आ सकती है।
बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार देर सायं यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की और उन्हें आपदा राहत कोष के लिए 2.02 करोड़ रुपये का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में नया निवेश आकर्षित करने तथा उद्यमियों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है। राज्य में स्थित औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान केन्द्रित किया जा रहा है। विशेष तौर पर बद्दी क्षेत्र में रेलवे सम्पर्क सुविधा के साथ ही सड़कों के उन्नयन पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने रेलवे लाईन के शीघ्र निर्माण से संबंधित मामला केन्द्र सरकार के समक्ष भी उठाया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नालागढ़-भरतगढ़ सड़क को फोरलेन में स्तरोन्नत किया जा रहा है जिससे उद्योगों सहित अन्य लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक घरानेे हिमाचल प्रदेश में निवेश के इच्छुक हैं और राज्य सरकार उन्हें लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध करवाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रतिनधिमंडल की उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया सहित बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
-बोले, काननू लागू नहीं किया तो जन आंदोलन से निपटने के लिए रहे तैयार -मुख्य सचिव और प्रधान सचिव जनजातीय विकास से की मुलाकात -2 महीने से अधिक समय तक मामला लटकाना है कानून का अपमान सिरमौर के गिरिपार में बसने वाले हाटी समुदाय को केंद्र सरकार ने अनुसूचित जनजाति का दर्जा दे दिया है। इस संबंध में 4 अगस्त को कानून बन गया। लेकिन, राज्य सरकार अनुसूचित जनजाति संशोधन कानून को हिमाचल प्रदेश में लागू नहीं कर रही है। 2 महीने से ज्यादा समय से मामला लटकाने से समुदाय के लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। हाटी समुदाय ने फिर हुंकार भरी है। अगर कानून तत्काल लागू न हुआ तो बड़ा जन आंदोलन छेड़ेंगे। इस संबंध में हाटी विकास मंच के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष प्रदीप सिंगटा, मुख्य प्रवक्ता डॉ. रमेश सिंगटा, सलाहकार मदन तोमर की अगुवाई में शिमला में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और जनजातीय विकास विभाग के प्रधान सचिव ओंकार शर्मा, विक्रम नेगी संयुक्त सचिव जनजातीय विकास विभाग से राज्य सचिवालय में मुलाकात की। इस दौरान आला अफसरों को ज्ञापन भी सौंपा गया। इसमें हाटी को स्ञ्ज का दर्जा दिलाने के लिए अधिकारियों के योगदान को सराहा गया। लेकिन क्रियान्वयन करने में देरी होने पर रोष भी जताया गया। पहले लॉ की ओपिनियन ली और अब केंद्र के पास भेजा मामला प्रदेश सरकार ने पहले लॉ डिपार्टमेंट की ओपिनियन ली। इसके बाद इसी मामले को फिर से केंद्र सरकार को भेजा गया है। जनजातीय मामलों के मंत्रालय को भेजे गए पत्र में पूछा गया है कि क्या संशोधित कानून में अनुसूचित जाति को बाहर रखा गया है या नहीं.. इससे पहले लॉ डिपार्टमेंट से जानना चाहा था कि हाटी है कौन? जबकि केंद्र सरकार के जनजातीय मामलों के मंत्रालय ने पहले ही 22 अगस्त को हिमाचल प्रदेश सरकार को पत्र लिखा था और इसमें संशोधित कानून को लागू करने के निर्देश दिए थे। यह हो रहा नुकसान कानून लागू न होने से छात्रों को स्कॉलरशिप नहीं मिल पा रही है और ना ही वह नौकरियों में इसका लाभ ले पा रहे हैं। बिना एसटी सर्टिफिकेट के उन्हें बड़ा नुकसान झेलना पड़ रहा है। यह दी चेतावनी हाटी समुदाय ने चेतावनी दी है कि अगर तत्काल कानून को लागू न किया तो वह फिर से महाखुमलियों के माध्यम से सड़कों पर उतरेंगे। वैसे हालात के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार होगी। गौरतलब है कि हाटी विकास मंच ने इससे पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सरकारी आवास ओक ओवर में मुलाकात की थी। उन्होंने तब आश्वासन दिया था कि वह कानून को जल्द लागू करेंगे। मंच के पदाधिकारियों ने इसी साल अप्रैल महीने में शिमला प्रवास के दौरान राष्ट्रपति महामहिम द्रोपति मुर्मू से भी मुलाकात की थी। हाटी मामले में देश के राष्ट्रपति से की गई यह पहली मुलाकात थी।
एचआरटीसी प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर के निर्देश के बाद परिवहन निगम ने बसों में सामान ले जाने को लेकर रिवाइज्ड भाड़ा सूची जारी की है। इसमें बसों में नि:शुल्क ले जाने वाली वस्तुओं के साथ नए उत्पादों के लिए किराया विवरण भी जारी किया है। बस में सवारी अपने साथ घरेलू सामान 30 किलोग्राम तथा किसी भी साइज के दो बैग, बच्चों की ट्राली, तिपहिया साइकिल, व्हील चेयर, लैपटॉप, सेब बॉक्स के साथ सेब का एक गिफ्ट पैक फ्री में कहीं भी ले जा सकते हैं, लेकिन अगर सवारी साथ नहीं है, तो फिर एक गिफ्ट पैक का हाफ टिकट कटेगा। सवारी के साथ एक से ज्यादा गिफ्ट पैक पर एक चौथाई किराया लिया जाएगा, जबकि फुल पेटी का पूरा एक सवारी का किराया कटेगा। एचआरटीसी प्रबंधन ने सवारियों के साथ और बिना सवारी के साथ एचआरटीसी की बसों में ढोए जाने वाले सामान के लिए रिवाइज्ड भाड़ा निर्धारित किया है। एचआरटीसी की ओर से रिवाइज्ड भाड़े के मुताबिक सवारी के साथ ऑफिस या डाइनिंग चेयर का एक चौथाई किराया वसूल किया जाएगा। डाइनिंग व ऑफिस टेबल फुल टिकट होगा। पांच सीटर सोफा सेट का डबल टिकट कटेगा। सिंगल बेड बॉक्स का फुल टिकट कटेगा। डबल बेड बॉक्स का डबल टिकट कटेगा, अलमारी का भी डबल टिकट कटेगा। सिलाई मशीन व पंखे का एक चौथाई किराया कटेगा। प्लास्टिक व फोल्डिंग चेयर का एक से तीन कुर्सियों का एक चौथाई किराया कटेगा। छह कुर्सियों का हॉफ टिकट व इससे ज्यादा का फुल टिकट कटेगा। साइकिल का हाफ किराया। बच्चों की ट्रॉली व दिव्यांगों की व्हील चेयर का कोई किराया नहीं लगेगा। दिव्यांग व्यक्ति के बस में न होने पर कुर्सी का एक चौथाई किराया काटा जाएगा। कंप्यूटर, एलईडी, एलसीडी का एक चौथाई किराया कटेगा। सवारी के साथ दो लैपटॉप बिना किराए के ले जा सकते हैं। दो से ज्यादा पर एक चौथाई किराया काटा जाएगा। वहीं, वॉशिंग मशीन का फुल टिकट कटेगा।
-कहा, आपदा से नुकसान को कम करने के लिए नियमों तथा मानवीय स्वभाव में बदलाव जरूरी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार आपदा से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में कड़ा कानून बनाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में गृह निर्माण के लिए स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग की अनुमति, भूमि के भार वहन करने की क्षमता का पता लगाने के साथ-साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था पर कानून बनाया जाएगा। उन्होंने इसमें लोगों से राज्य सरकार को सहयोग का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि आज आपदा से अमूल्य जीवन एवं संपत्ति के नुकसान को कम करने के लिए नियमों तथा मानवीय स्वभाव में बदलाव की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति सम्मान और संतुलन बनाकर ही आपदा की संभावना तथा इससे होने वाले नुकसान को न्यून किया जा सकता है। हिमाचल प्रदेश के पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भूकंप और भूस्खलन जैसे भौगोलिक खतरों से उत्पन्न चुनौतियां, विषय पर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में आज यहां आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में इस बार बरसात में भारी बारिश, बादल फटने और बांधों से अत्याधिक पानी छोड़े जाने के कारण बहुत अधिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह से ही राज्य में बारिश हो रही थी और मानसून में बहुत ज्यादा बारिश होने के कारण मानव जीवन और संपत्ति को काफी नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि इस आपदा के लिए मानवीय लालसा व असंवेदनशीलता इत्यादि भी कारण रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षा के दृष्टिगत नालों इत्यादि से समुचित दूरी पर घर बनाने और स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इसमें चूक से आपदा में जान-माल के नुकसान की आशंका और भी बढ़ जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही की बरसात में राज्य में बादल फटने की बहुत घटनाएं हुई हैं, जिनका व्यापक अध्ययन आवश्यक है। इसके अतिरिक्त जलवायु परिवर्तन का प्रभाव भी दृष्टिगोचर हो रहा है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे बहुत कम वर्षा वाले क्षेत्रों में भी इस बार काफी ज्यादा बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से राज्य सरकार ने आपदा के दौरान बेहतर काम किया और रिकॉर्ड 48 घंटों के भीतर प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी और टेलीफोन सहित अन्य आवश्यक सेवाएं अस्थाई रूप से बहाल की गई। राज्य में किसानों-बागवानों को भी असुविधा न हो, इसका भी पूरा ध्यान रखते हुए सेब व अन्य नकदी फसलों को समय पर मंडियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया गया। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में बेहतर प्रयासों के लिए अधिकारियों सहित सभी लोगों की पीठ भी थपथपाई।
मार्केट में स्मार्टफोन आने के बाद साइबर क्राइम के मामले भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऊना में भी एक महिला अध्यापक साइबर ठगी का शिकार हो गई। इस महिला ने साइबर क्राइम ठगी के तहत एक लाख बीस हजार रुपये गंवा दिए। महिला ने इसको लेकर साइबर सेल में एक माह पहले शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने इस महिला का ठगा हुआ पैसा वापस लाने के प्रयास शुरू किए। साइबर क्राइम ने एक महीने की मेहनत के बाद महिला अध्यापक का ठगा हुआ एक लाख बीस हजार रुपया महिला को वापस दिलवा दिया, जिसके बाद यह महिला पुलिस का आभार कर करने के लिए ऊना पहुंची और पुलिस का तहे दिल से आभार प्रकट किया है। महिला का कहना है कि जब बह ठगी का शिकार हुई तो उसे नहीं लगता था कि उसके रुपये वापस मिल पाएंगे, लेकिन साइबर क्राइम की मदद से उन्हें यह पैसा वापस मिला हैं, जिसको लेकर वह पुलिस का आभार प्रकट कर रही है । वहीं, एडिशनल एसपी संजीव भाटिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि महिला अध्यापक साइबर ठगी का शिकार हुई थी। उसने एक लाख बीस हजार ठगे जाने की शिकायत दर्ज करवाई थी। साइबर सेल की मदद से महिला के पैसे वापस दिलाए गए हैं। अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि अगर वह साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो तुरंत पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाएं।
-रास्ते को लेकर हुआ विवाद, आरोपी ने आते ही चला दी गोली -पुलिस ने किया गिरफ्तार, मामला दर्ज कर शुरू की जांच -सूचना मिलने पर विधायक सत्ती भी मौके पर पहुंचे ऊना थाना के अंतर्गत बहडाला में वीरवार देर सायं गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसकी पीजीआई में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रास्ते को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अचानक एक अन्य व्यक्ति पर गोली दाग दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जिला अस्पताल ऊना लाया गया। नाजुक हालत के चलते उसे यहां से पीजीआई रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की माने तो गोली मारने वाला व्यक्ति काफी गुस्से में था और उसने आते ही वहां पर खड़े व्यक्ति को गोली मार दी और वहां से फरार हो गया। वहीं, सूचना मिलते ही एएसपी और डीएसपी भी मौके पर पहुंच गए। गोलीकांड की सूचना मिलते ही ऊना सदर से भाजपा विधायक सतपाल सत्ती भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों से बातचीत की। वहीं, एडिशनल एसपी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है। गोली पिस्टल से चली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।
पटवारी एवं कानूनगो संघ देहरा के चुनाव शशि राणा की देखरेख में हुए। बढ़ल के पटवारी धीरेंद्र को पटवारी व कानूनगो संघ देहरा का अध्यक्ष चुना गया है। बीहन के पटवारी सुनील कुमार वरिष्ठ उपाध्यक्ष, धवाला की पटवारी पूजा रानी उपाध्यक्ष और चलाली की पटवारी शिवानी को महासचिव पद की कमान सौंपी गई है। बरोटा के पटवारी राहुल कुमार संयुक्त सचिव और प्लोटी की पटवारी रीना रानी कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। नलेटि की पटवारी शुभम लता तेहसिल नुमाइंदा, घियोरी की पटवारी रजनी ठाकुर, मुहल की पटवारी सीमा देवी, बढूं की पटवारी शिवानी, हार की पटवारी अनिता कुमारी, ढलियारा की पटवारी ज्योति, सामनोली के पटवारी अश्वनी को सदस्य बनाया गया है।
पांगी में पहली बार भारत में जनजातीय पहचान मुद्दे चुनौतियां और आगे की राह पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन पहली और 2 अक्टूबर को ऑनलाइन और 4 अक्टूबर को ऑफलाइन राजकीय महाविद्यालय किल्लाड़ पांगी में किया गया। इसकी संयोजक डॉ. प्रोमिला देवी प्रभारी प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय पांगी हैं। इसमें मुख्य अतिथि आवासीय आयुक्त रितिका जिंदल तो विशिष्ट अतिथि के एसडीएम पांगी रमन घरसंगी व डॉ. राकेश राठौर उपस्थित रहे। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 125 से अधिक प्रस्तुतकर्ताओं ने ऑनलाइन तो 20 से अधिक ऑफलाइन प्रस्तुतियां दी गईं। जिसमें डॉ. मुकेश कुमार, प्रो इंदु दुग्गल, डॉ. भूपेंद्र कुमार, प्रो इंदु ठाकुर, प्रो. दिनेश सिंह, प्रो व्यास, प्रो विजय कुमार, प्रो भूमेश कुमार राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा रेखा राणा सहित कई प्रस्तुत कर्ता ने अपनी प्रस्तुती दी। इस सम्मेलन में जनजातीय विकास विभाग हिमाचल प्रदेश शिमला द्वारा वित्त पोषित का सहयोग किया गया। राजकीय महाविद्यालय पांगी की प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि पांगी जैसे दुर्गम क्षेत्र में पहली बार अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कई समस्याओं का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने पंचयात कार्यालयों में सचिवों की हड़ताल से निपटने के लिए सिलाई टीचरों, ग्रामीण रोजगार सेवकों को पैन पंचायत कार्यालय में कार्य करने के लिए अधिकृत कर लिया है। इनको प्रशिक्षण देने के लिए जिला पंचयात अधिकारी कार्यलय सोलन में 6, 7 अक्तूबर को बुलाया गया है। प्रशिक्षण के लिए आने-जाने का किराया भी दिया जाएगा। प्रशासन ने पंचायतों में लोगों को प्रमाण पत्र व अन्य कागज मिलने में परेशानी न हो, इसके लिए सिलाई टीचरों एवं ग्रामीण रोजगार सेवकों को प्रशिक्षण के बाद पंचायतों में बैठने के आदेश जारी कर दिए हैं। धर्मपुर कार्यालय से लिखित आदेश जारी कर दिए गए हंै। उधर इस बारे में खंड विकास अधिकारी धर्मपुर रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि पंचायतों में जनता के काम न रुकंे, इसके लिए दसवीं पास सिलाई टीचरों, ग्रामीण रोजगार सेवकों को दो दिन की ट्रेनिंग के बाद पंचयात कार्यालयों में बैठने के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि अनुबंध पर लगे चार तकनीकी सहायकों ने हड़ताल छोड़कर वापस ड्यूटी ज्वाइन कर ली है।
-विधायक ने वर्ल्ड कप की तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में ली मीटिंग कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने कहा है कि वर्ल्ड कप के मैचों से पहले धर्मशाला का हर रोड स्मार्ट नजर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस क्रिकेट इवेंट पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी। ऐसे में हम सभी को फुल प्रूफ प्लानिंग से इसे सफल करवाना है। सुधीर शर्मा गुरुवार को सर्किट हाउस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मीटिंग के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर को पहले मैच से पहले स्मार्ट सिटी का हर रोड चकाचक नजर आना चाहिए। दुनिया भर में वर्ल्ड कप की ब्राडकास्टिंग होगी। ऐसे में पूरा शहर दुनिया पर फिर से छाएगा, तो हिमाचल में पर्यटन को नए पंख लगेंगे। पर्यटन को हुए घाटे को हमारे पास पूरा करने का यह बड़ा अवसर है। इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी-जलशक्ति विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे मंजूर डीपीआरों पर काम शुरू कर दें। साथ ही दिए गए हर प्रस्ताव पर गंभीरता से काम करें। काम में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। इसी बीच सुधीर शर्मा ने वन विभाग के कर्मचारियों से भी मीटिंग ली। उन्होंने कर्मचारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सुधीर शर्मा ने यहां सैकड़ों लोगों की समस्याएं भी सुनी तथा अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया। बाद में सुधीर शर्मा ने शहर में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों का जायजा लेते हुए उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। तदोपरांत भागसूनाग मंदिर ट्रस्ट की मीटिंग भी ली। आपदा प्रबंधन के काम चल रहे सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला हलके में आपदा प्रबंधन सहित सैकड़ों काम चल रहे हैं। इन सभी कार्यों को समय पर पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात में पूरे हिमाचल में नुकसान हुआ है। धर्मशाला में भी कई जगह नुकसान हुआ है। इसकी रिपोर्ट तैयार करने के बाद काम करवाया जा रहा है। क्रमवार तरीके से काम चल रहा है। काम में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जनता को जहां भी कोताही नजर आती है, वह विधायक के तीनों दफ्तरों में इसकी रिपोर्ट करें। जनता ही हर शिकायत पर एक्शन होगा। सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में स्मार्ट सिटी के तहत पचहत्तर प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इनको समय पर पूरा करना होगा। लगातार इन प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। पंचायतों में तेजी से काम सुधीर शर्मा ने कहा कि अभी दर्जनों पंचायतों को बजट मंजूर हुआ है। आने वाले दिनों में अन्य कार्यों को भी बजट मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के लिए धर्मशाला में तीन विधायक कार्यालय खुले हैं। इनका जनता को फायदा उठाना चाहिए। इस दौरान सुधीर शर्मा के पास दर्जनों शिकायतें पहुंची। उन्होंने अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया। शेष शिकायतें विभागों को भेजते हुए उन्होंने तुरंत एक्शन लेने को कहा। इस दौरान सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह संकट की इस घड़ी में राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा है कि न तो केंद्र सरकार से इस आपदा से निपटने में कोई मदद कर रही है और न ही प्रदेश के भाजपा नेता। मण्डी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा चौक पर आपदा से प्रभावित लोगों की समस्यों को सुनने के बाद सभा को सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के साथ साथ मंडी में जितने विकास कार्यो को किय्य वह अपने आप मे एक रिकॉर्ड हैं। मंडी को आई आई टी,मेडिकल कालेज, जवाहरलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ साथ मंडी को केंद्रीय जोन का दर्जा दिया था। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रतिभा सिंह ने पूर्व भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने मंडी के लोगों को गुमराह किय्य। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में मण्डी जिला में कांग्रेस को वह जनमत नही मिला जिसकी वह हकदार थी। उन्होंने कहा कि बाबजूद इसके प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार जन हित के कार्यो को कर रही है। प्रतिभा सिंह ने लोगों का आह्वान किया कि देश मे अगले साल लोकसभा चुनाव होने है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह अब कोई भूल न करें और कांग्रेस को भारी मतों से विजयी बनाये। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने सभी वादों को चरणबद्ध डंग से पूरा करेगी। इस दौरान पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि उन्होंने वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से उन्होंने बल्ह क्षेत्र में अथाह विकास कार्य किये। बल्ह में एसडीएम कार्यालय व आईटीआई भी वीरभद्र सिंह ने ही दिया था।उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी किसी से कोई भेदभाव नहीं किया।उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनावों में भले ही उन्हें सफलता नही मिली बाबजूद इसके वह क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के प्रति हमेशा समर्पित रहेंगे।
-विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह 2023 का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईएएस डॉ. अभिषेक जैन उपस्थित हुए। एमजीडी गर्ल्स स्कूल जयपुर की प्रधानाचार्य अर्चना मनकोटिया तथा वेलहम गर्ल्स स्कूल देहरादून की प्रधानाचार्य विभा कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह के प्रारंभ में वायलिन, तबलों, की बोर्ड, जैज ड्रम तथा अन्य वाद्य यंत्रों के संगीत के साथ राग यमन पर आधारित इंस्ट्रूमेंटल और वोकल प्रस्तुति 'आओ बलमाÓ दी गई। समारोह में उन सभी अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया था, जिनके बच्चों नें शैक्षणिक, सह शैक्षणिक, खेल एवं किसी अन्य क्षेत्र में प्रशंसनीय प्रदर्शन करके पुरस्कार अर्जित किया था एवं अपनें अभिभावकों एवं स्कूल का नाम रोशन किया था। समारोह में उपस्थित अभिभावकों को अपनें बच्चों पर गर्व महसूस हो रहा था। उनके चेहरे की गरिमा स्पष्ट झलक रही थी जब मंच से उनके बच्चे का नाम लिया गया एवं वे अपनें बच्चे के साथ मंच पर पुरस्कार लेने आमंत्रित किए गए। उन सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्रों एवं ट्रोफियों से सम्मानित किया गया, जिन्होंने एकेडमिक्स में अव्वल स्थान प्राप्त किया था। विद्यालय के बाहर खेली गईर्ं विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे बास्केटबाल, फुटबाल, क्रिकेट, आर्ट, संगीत, भाषण, वाद-विवाद, काव्य रचना, बुक रिविव्यू आदि में विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कारों से नवाज़ा गया। सत्र 2023 की विभिन्न अंतर सदनीय प्रतिस्पर्धाओं के विजेता सदनों को भी विशाल ट्रॉफिओं से सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ विज्ञान छात्रा के लिए दी जाने वाली कोची शील्ड अनन्या कालिया को एवं वाणिज्य एवं हयूमैनिटीज में पैडलर ट्रॉफी अनहदबीर सिंह, उत्कर्ष रांटा और इरतिक परवेज को प्रदान की गई। 10वीं कक्षा सीबीएसई टॉपर के लिए अपाचे ट्रॉफी आविन गुप्ता ने झटकी। कला एवं शिल्प के लिए पीडिलाइट ट्रॉफी प्रांजल चाहर एवं अनन्या गुप्ता को प्रदान की गई, सूचना प्रौद्योगिकी के लिए दी गई आरट्रैक ट्रॉफी पर ध्रूव सिंगला तथा रोहन नें कब्जा किया। सर्वश्रेष्ठ छात्रों को दी जाने वाली क्वान्टम ट्रॉफी पर हेड बॉय धर्मपुर आदित्य राज सिंह, हेड बॉय सुबाथू अर्णव लिहांटु एवं धर्मपुर से हेड गर्ल प्रांजल चाहर तथा सुबाथू से हेड गर्ल पलक मिश्रा ने बाज़ी मारी। टीक सदन को धर्मपुर एवं चिनार सदन को सुबाथू से सत्र 2023 का चैंपियन सदन घोषित किया गया। पाइनग्रोव स्कूल के नर्तकों, नृत्यांगनाओं द्वारा रावण द्वारा सीता अपहरण पर आधारित लघु नाटिका नृत्य प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने क्रमश: सभी को संबोधित किया। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन ए जे सिंह नें मुख्य अतिथि की अति विशिष्ट उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आईएएस डॉ. अभिषेक जैन लिम्का बूकम में टाइपिंग के लिए अपना नाम दर्ज करवा चुके हैं। इसके पश्चात मुख्य अतिथि महोदय नें मंच से अपनी टायपिंग स्पीड का नमूना भी दिखाया। उनके नाम 135 शब्द प्रति मिनट टाइप करने का रिकॉर्डे दज़र् है। केवल अंग्रेजी ही नहीं बल्कि वे हिंदी, पंजाबी की टायपिंग में भी पारंगत हैं। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन ए जे सिंह नें मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, अभिभावकों एवं सभी छात्रों को धन्यवाद दिया।
वन्यप्राणी सप्ताह 2023 के उपलक्ष्य में आज शिमला में इंटर स्कूल क्विज कांटेस्ट का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्यप्राणी प्रभाग वन विभाग अनिल ठाकुर ने की। इस प्रतियोगिता में शिमला के 7 स्कूलों के 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उप अरण्यपाल वन्यप्राणी मंडल शिमला एन रविशंकर ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस इंटर स्कूल क्विज कांटेस्ट को इंद्र भूषण उप अरण्यपाल के द्वारा संयोजित किया गया। कांटेस्ट में डीएवी स्कूल लक्कड़ बाजार ने प्रथम, डीएवी स्कूल न्यू शिमला ने दूसरा और डीएवी स्कूल टूटू ने तीसरा स्थान हासिल किया।
-पुलिस रेड में होटल मैनेजर और पंजाब की महिला एजेंट अरेस्ट -जिस्मफरोशी में संलिप्त कई युवतियां भी पकड़ीं ऊना पुलिस ने ऊना के दो होटलों में रेड कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ऊना के दो होटलों में जिस्मफरोशी का अवैध धंधा चल रहा है। इस पर पुलिस ने एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर भेजा। यहां जिस्मफरोशी के अवैध धंधा होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने एक टीम तैयार कर होटल में रेड की। पुलिस ने होटल के मैनेजर और पंजाब की महिला दलाल को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों होटलों से कुछ युवतियों को भी अरेस्ट किया है, जो इस अवैध धंधे में शामिल थीं। पकड़ी गई युवतियां पंजाब और हिमाचल के अलग-अलग जिलों से बताई जा रही हैं। वहीं, एडिशनल एसपी संजीव भाटिया ने ऊना के दो होटलों में जिस्मफरोशी के अवैध धंधा होने को लेकर रेड किए जाने की पुष्टि की है और पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगामी जांच किए जाने की बात कही है।
-10 माह से खजाना खाली होने का आलाप रही राग - सीएम राहत कोष में आए पैसे की भी हो रही बंदरबांट - झूठ का पुलिंदा था विधानसभा में पेश किया गया श्वेत पत्र पूर्व मंत्री एवं सुलह के वर्तमान विधायक विपिन परमार ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को बने 10 माह का समय बीत चुका है और इस सरकार के मुखिया सुखविंदर सुक्खू बार-बार एक ही राग आलाप रहे हैं कि प्रदेश का खजाना खाली है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने न तो सही ढंग से आपदा प्रबंधन किया और न ही मुख्यमंत्री राहत कोष में आए पैसे को सही ढंग से प्रयोग किया, इसकी भी बंदरबांट हुई है। परमार ने कहा कि हिमाचल की आर्थिकी को लेकर सरकार विधानसभा में जो स्वेत पत्र लाई थी, वह भी एक झूठ का पुलिंदा था। लोगों के ध्यान को भटकाने के लिए यह स्वेत पत्र लाया गया था। यह मात्र आंकड़ों का मकड़जाल था। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार ने 862 करोड़ रुपये 6 हजार मकानों के लिए, 2600 करोड़ रुपये प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, 400 करोड़ सेंटर रोड फंड, एनडीआरएफ को 200 करोड़ रुपये एडवांस दिया है। लेकिन अपनी गारंटियों को पूरा करने के लिए कांग्रेस सरकार केंद्र पर और पैसा देने का दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि गूंगी-बहरी सुखविंदर सिंह की सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है। विधानसभा में चीख-चीख कर तथ्यों के साथ हमने आपनी बात को रखा, परंतु विपक्ष की आवाज को दबाया गया।
कल्याण समिति की बैठकें 4 और 5 अक्तूबर को कार्यकारी सभापति विनोद कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुईं। इन बैठकों में इंद्र सिंह, रीना कश्यप, मलेंद्र राजन, लोकेंद्र कुमार, दीप राज, सुदर्शन सिंह बबलू व विनोद सुल्तानपुरी माननीय सदस्यों ने भाग लिया। समिति ने मांग संख्या 31 जनजातीय विकास विभाग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2020-21 की अनुदान मांगों की संवीक्षा पर आधारित 24वें मूल प्रतिवेदन (तेरहवीं विधान सभा) (वर्ष 2019-20) में अंतर्विष्ट सिफारिशों से संबन्घित प्राप्त विभागीय उत्तरों का अवलोकन किया तथा अवलोकनो के बाद कुछ बिंदुओं पर पुन: टिप्पणी करते हुए इस पर कार्रवाई प्रतिवेदन तैयार करने का निर्णय लिया। इसके अतिरिक्त समिति ने नवंबर माह में राज्य की भीतर अध्ययन प्रवास करने का भी निर्णय लिया।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार को अटल टनल रोहतांग का निरीक्षण किया। मुकेश अग्निहोत्री ने टनल में हो रहे पानी के रिसाव को रोकने के लिए बीआरओ के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। टनल में हिमाचली और लाहौली शैली के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों से अटल टनल पर सोनिया गांधी द्वारा किए गए शिलान्यास पट्टिका के लगाने की बात की। अधिकारियों ने इस संदर्भ में तुरंत पता लगाने का आश्वासन दिया। हिमाचल प्रदेश के अंतिम छोर पर शिंकुला पास में ऐतिहासिक और सामरिक दृष्टि से एक और महत्वपूर्ण टनल का निर्माण किया जा रहा है जो विश्व की सबसे ऊंचाई पर स्थित होगी जो देश व प्रदेश को विश्व भर में गौरवान्वित करेगी।
-सरकार ने बदले 7 एचएएस अफसर हिमाचल प्रदेश सरकार ने सात एचएएस अफसरों के तबादला आदेश जारी किए हैं। निदेशक तकनीकी शिक्षा विवेक चंदेल को निदेशक मत्स्य बिलासपुर के पद पर ट्रांसफर किया गया है। नियुक्ति आदेशों का इंतजार कर रहे जितेंद्र सांजटा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त निदेशक के पद पर सेवाएं देंगे। जितेंद्र सांजटा के पास हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के प्रशासनिक अधिकारी का कार्यभार भी रहेगा। जितेंद्र सांजटा को भंग किए जा चुके कर्मचारी चयन आयोग के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी के पद पर भी तैनात किया गया था। अक्षय सूद को निदेशक तकनीकी शिक्षा सुंदरनगर के पद पर ट्रांसफर किया गया है। अजीत कुमार भारद्वाज एडीएम लॉ एंड ऑर्डर शिमला के पद पर ट्रांसफर किया गया है। अनुपम कुमार को अतिरिक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा सुंदरनगर के पद पर ट्रांसफर किया गया है। नियुक्ति आदेशों का इंतजार कर रहे शिव मोहन सिंह सैणी डिप्टी सेक्रेटरी प्रशासनिक सुधार के पद पर सेवाएं देंगे। नियुक्ति आदेशों का इंतजार कर रहे कमल देव सिंह कंवर रजिस्ट्रार तकनीकी विवि हमीरपुर के पद पर सेवाएं देंगे।
एक अद्वितीय सहयोगात्मक प्रयास में, शूलिनी विश्वविद्यालय ने एक स्तन कैंसर जागरूकता और स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित करने के लिए क्रिकेटर युवराज सिंह द्वारा स्थापित प्रसिद्ध फाउंडेशन यूवीकैन के साथ साझेदारी की। अक्तूबर में दुनिया भर में स्तन कैंसर जागरूकता माह मनाया जाता है, इसलिए विश्वविद्यालय परिसर में कर्मचारियों को शिक्षित करने और महत्वपूर्ण जांच प्रदान करने के लिए यह पहल की गई थी। महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ, इस अनूठे प्रयास का उद्देश्य महिलाओं को स्तन कैंसर के खतरों के बारे में जानकारी देकर सशक्त बनाना है और उनसे नियमित जांच कराने का आग्रह किया गया, ताकि इस बीमारी का शुरुआती चरण में ही पता लगाया जा सके, अगर यह खतरा पैदा करती है। इस कार्यक्रम में शिक्षण स्टाफ, गैर-शिक्षण स्टाफ और हाउसकीपिंग कर्मियों सहित लगभग 85 महिलाओं ने भाग लिया। यूवीकैन फाउंडेशन की समर्पित मेडिकल टीम ने प्रतिभागियों के बीच किसी भी चिंता और परेशानी को कम करने के लिए व्यापक परामर्श करते हुए काम किया। उनका समर्थन यह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण था कि स्क्रीनिंग प्रक्रिया के दौरान हर महिला सहज महसूस करे। डीन स्टूडेंट वेलफेयर पूनम नंदा, जो की खुद एक एक कैंसर सर्वाइवर है और उन्होंने दो बार इस बीमारी से लड़ाई लड़ी, ने अपने अनुभव के बारे में बोलते हुए कहा कि बीमारी का शीघ्र पता लगाना और जागरूकता होना बहुत जरूरी है। मैं समझती हूं कि एकमात्र चीज जिसने मेरी जान बचाई, वह जागरूकता और बीमारी की शीघ्र पहचान थी। यही वह संदेश है जो मैं हर महिला तक पहुंचाना चाहती हूं - किसी भी अन्य बीमारी की तरह, कैंसर का इलाज संभव है, लेकिन आपको समय रहते इसका पता लगाना होगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह को आज मंडी जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगस्याड़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह और स्वयंसेवक राहुल ठाकुर, शताक्षी शर्मा और दीपाली ठाकुर ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 41000 रुपये की राशि का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि आपदा प्रभावितों को राहत प्रदान करने के लिए समाज के सभी वर्ग उदारतापूर्वक इस कोष में योगदान दे रहे हैं।
-प्रदेश की आर्थिक स्थिति को डूबोने के लिए कांग्रेस की सरकार जिम्मेदार कांग्रेस पार्टी की सरकार हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आने के बाद एक साल होने को आया है। आज भी सुक्खू सरकार के मंत्रियों, प्रवक्ताओं और स्वयं मुख्यमंत्री के बयानों से यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस यह मानने को तैयार नहीं है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में है और भाजपा प्रतिपक्ष में है। सरकार में स्थापित लोगों के निरंतर एक ही बयान आ रहे हैं कि भाजपा ने यह नहीं किया, वो नहीं किया, ऐसा नहीं किया, वैसा नहीं किया और केवल और केवल धन का रोना रोते-रोते एक साल बीता दिया। डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी ही सत्ता में रही, भारतीय जनता पार्टी तो 1990 के बाद सत्ता में आनी शुरू हुई। प्रदेश की आर्थिक स्थिति को पूरी तरह डूबोने का काम यदि किसी ने किया है तो उसके लिए कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस की सरकार जिम्मेदार हंै। 2022 के आम चुनावों के दौरान अरबों रुपये की घोषणाएं, गारंटियां जब चुनावी जनसभाओं में कांग्रेस के नेता दे रहे थे, उस समय प्रदेश की माली हालत का इन्हें सब कुछ मालूम था, फिर भी केवल और केवल झूठ के आधार पर वोट बटोरने के लिए गारंटियां बांटी जा रही थी। डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले 10 महीनों में अव्यवस्था ही व्यवस्था है। 1500 स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, तहसीलें इत्यादि संस्थान बंद कर दिए और उनका कोई माकूल जवाब सरकार नहीं दे रही है। यह सबसे बड़ी अव्यवस्था है। एक लाख बेरोजगारों को पहली कैबिनेट में सरकारी नौकरी देने की गारंटी पूरी न करके बेरोजगार युवकों की पीठ में छूरा घोंपा है और इसके विपरीत हजारों लोग जो नौकरी में लगे हुए हैं उन्हें नौकरी से निकाला जा रहा है, इससे बड़ी अव्यवस्था क्या होगी? जिला परिषद कर्मी सड़क पर हैं, उनसे झूठे वादे किए गए। एसएमसी अध्यापक सड़क पर हैं उनसे झूठे वादे किए गए और कोरोना वॉरियर्स रोते बिलखते कांग्रेस की सरकार के शिकार हो गए हैं, इससे बड़ी अव्यवस्था क्या हो सकती है? चंबा से लेकर सिरमौर तक कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ी हुई हंै। दलित युवक की बेरहमी से हत्या चंबा जिला में होती है। हजारों लोग सड़कों पर उतरते हैं, परंतु सरकार को रत्ती भर भी रंज नहीं होता, दुख नहीं होता और यह हत्याओं का, बलात्कार का, चोरियों का, डकैतियों का सिलसिला जोरों पर चल रहा है। जनता त्रस्त है, सरकार मस्त है। कानून व्यवस्था राम भरोसे है।
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संघोल के विद्यार्थियों द्वारा साइंस व मैथ के मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें 50-60 छात्रों ने भाग लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य अंजू शर्मा ने बच्चों की सराहना करते हुए बच्चों को प्रतियोगिताओं के प्रति आगे प्रेरित रहने को कहा। इस प्रदर्शनी में स्कूल के साइंस अध्यापकों अरुण कुमार, पृथ्वी पाल, राजीव संदीप, विकास व कुशमलता का विशेष योगदान रहा। स्थानीय पंचायत प्रधान रजनीश व आयुर्वेदिक हॉस्पिटल प्रभारी सुनील व बच्चों के अभिभावक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कहते हं कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी कार्य असंभव नहीं। ऐसा ही एक वाकया सामने आया है उप मंडल करसोग का, जहां एक गंभीर दुर्घटना का शिकार होकर कॉलेज की पढ़ाई के दौरान अपना दाहिना हाथ गंवा देने वाली बीपीएल परिवार की बेटी अंजना ठाकुर ने हिम्मत नहीं हारी और बाएं हाथ से लिखना सीखकर आज बॉटनी की असिस्टेंट प्रोफेसर बन गईं। अंजना हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसपी बंसल ने उसे बधाई देते हुए कहा कि अंजना के संघर्ष और सफलता की कहानी सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है। वहीं, दिव्यांगों के लिए कार्य कर रही संस्था उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष और राज्य विकलांगता सलाहकार बोर्ड के विशेषज्ञ सदस्य अजय श्रीवास्तव ने बताया कि अंजना ठाकुर मंडी जिले के करसोग स्थित पांगना के गांव गोड़न के हंसराज और चिंतादेवी की बेटी है। राज्य लोक सेवा आयोग ने उसका चयन कॉलेज कैडर में बॉटनी की असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर किया है। आयोग ने बुधवार को परिणाम घोषित किया था। पिछले वर्ष विश्वविद्यालय में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने अंजना ठाकुर को पूर्व छात्र सम्मेलन में उसकी उपलब्धियां के लिए सम्मानित भी किया था। अंजना की मां चिंतादेवी कहती हैं की बेटी ने इतनी बड़ी सफलता प्राप्त करके पूरे परिवार का नाम रोशन किया। बहन के लिए खुद की पढ़ाई कुर्बान करने वाले भाई गंगेश कुमार को भी अंजना पर गर्व है। अपना सपना पूरा करने के लिए अंजना ने अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान ही बाएं हाथ से लिखना सीखा। अस्पताल से छुट्टी के बाद फिर उसी कॉलेज में दाखिला लिया और बहुत अच्छे अंकों से बीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। उसके बड़े भाई गंगेश कुमार ने बहन को पढ़ाकर आगे बढ़ाने के लिए अपनी पढ़ाई छोड़ दी और घर की आर्थिक मदद करने के लिए पेंट का काम शुरू किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एमएससी (बॉटनी) में प्रवेश लेने के बाद तो उसके हौसलों को पंख लग गए। उसने पहले ही प्रयास में वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की अत्यंत कठिन जूनियर रिसर्च फैलोशिप (जेआरएफ) परीक्षा भी पास कर ली। वर्तमान में वह प्रदेश विश्वविद्यालय के बायो- साइंसेज विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. धीरज रावत के निर्देशन में पीएचडी कर रही है। अंजना ने एक मिसाल देते हुए अपने गांव का नाम रोशन किया है।
-संयंत्र निर्माण पर प्रथम चरण में 180 करोड़ रुपये होंगे व्यय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बोर्ड के सहयोग से जिला कांगड़ा के डगवार में 1.5 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता का अत्याधुनिक पूर्ण रूप से स्वचालित दूध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना का शिलान्यास शीघ्र ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के प्रथम चरण में 180 करोड़ रुपये के निवेश से संयंत्र का निर्माण किया जाएगा। इस संयंत्र के स्थापित होने से दही, लस्सी, मक्खन, घी, पनीर, स्वादिष्ट दूध, खोया और मोजेरेला पनीर सहित विभिन्न प्रकार के डेयरी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इसके लिए चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा और ऊना जिला के दुग्ध उत्पादकों से दूध खरीद कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने दूध खरीद में पारदर्शिता के महत्त्व पर बल देते हुए कहा कि इससे किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य सुनिश्चित होगा उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूध खरीद प्रणाली को मजबूत करने के लिए 43 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा। संयंत्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन 2.74 लाख लीटर दूध खरीदने का लक्ष्य रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे चरण के तहत डगवार मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट में मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और विभिन्न प्रकार के पनीर का उत्पादन शुरू किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को इस प्लांट के निर्माण संबंधी कार्य को डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र में उल्लेखित वायदे के अनुसार गाय का दूध 80 रुपये प्रति लीटर और भैंस का दूध 100 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य के कृषि और आर्थिक विकास के लिए यह पहल महत्त्वपूर्ण है और प्रदेश सरकार राज्य में डेयरी-आधारित उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह ने परियोजना पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी और इस संयंत्र की स्थापना में हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक विनय कुमार और इंद्र दत्त लखनपाल, प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, सचिव राकेश कंवर, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया और अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
-वित्त वर्ष 2022-23 में निगम का कुल राजस्व 200 करोड़ के पार पहुंचा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार सायं हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॅानिक विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के निदेशक मंडल की 106वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम को नवीनतम सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रीन फील्ड और उभरती प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने से सुशासन के साथ-साथ पारदर्शिता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि एचपीएसईडीसी ने वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान वित्तीय प्रबंधन में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 8.16 करोड़ रुपये का कुल लाभ अर्जित किया है तथा वित्त वर्ष 2022-23 में निगम का कुल कारोबार (राजस्व) 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गया है। उन्होंने कहा कि निगम के इतिहास में यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है जो कि इसकी व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि और सफलता का संकेत देती है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निगम की कार्य प्रणाली को पूरी तरह से स्वचालित कर दिया गया है और विभाग और विक्रेताओं से संबंधित सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं। निगम ने पहली बार सरकार को लाभांश भी प्रदान किया। वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान पांच रुपये प्रति शेयर की दर से कुल 18 लाख 58 हजार 350 रुपये और वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान प्रति शेयर 20 रुपये उच्च लाभांश के साथ कुल 74 लाख 33 हजार 400 रुपये के चेक मुख्यमंत्री को भेंट किए। आपदा प्रभावितों को राहत प्रदान करने तथा सरकार के राहत एवं पुनर्वास कार्य में योगदान देने के उद्देश्य से निदेशक मण्डल ने आपदा राहत कोष के लिए 21 लाख रुपये का चेक भी भेंट किया। एचपीएसआईडीसी के प्रबन्ध निदेशक मुकेश रेपसवाल ने कार्यवाही का संचालन किया। बैठक में मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, प्रधान सचिव वित्त मनीष गर्ग, सचिव डिजिटल टेक्नॉलाजी एवं गवर्नेंस डॉ. अभिषेक जैन, निदेशक उद्योग राकेश कुमार प्रजापति, बीएसएनएल के सीजीएम जसविंदर सिंह सहोता और मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार देर सायं यहां शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल-2023 का टीजर जारी किया। यह फेस्टिवल 12 से 15 अक्टूबर, 2023 तक हिमाचल पर्यटन विभाग और दि-ग्लाइड इन के संयुक्त तत्वावधान में शिमला के समीप जुन्गा में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष वर्ष मानसून के दौरान लगभग तीन माह तक प्रदेश में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं के कारण भारी क्षति हुई है। प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय पर भी इस प्राकृतिक आपदा के कारण प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा से उबरने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया। प्रदेश में अब जनजीवन सामान्य है और आवागमन के लिए सभी सड़कें खोल दी गई हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन गतिविधियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के आयोजन से साहसिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में साहसिक पर्यटन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है। जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रदेश में सभी पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर एस बाली, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क राजीव कुमार, ग्लाइड इन के प्रबंध निदेशक अरुण रावत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
-200 से 250 युवाओं ने लिया भाग, 75 यूनिट ब्लड एकत्रित आज भाजपा सोलन मंडल युवा मोर्चा सोलन के सहयोग से सेवा पखवाड़ा के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि खादी ग्राम उद्योग के पूर्व उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया रहे। वहीं, सोलन भाजपा अध्यक्ष मदन ठाकुर विशेष अतिथि रहे। गुलेरिया ने युवाओं से आह्वान किया कि रक्तदान महादान है, जिसमें युवाओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, क्योंकि आपका रक्त किसी न किसी की जान बचा सकता है। रक्तदान शिविर में जिला भाजपा के महामंत्री भरत साहनी, वार्ड 9 के पार्षद शेलेंद्र गुप्ता, सोलन महिला मोर्चा अध्यक्ष विशाखा, प्रदेश युवा मोर्चा के प्रवक्ता भाई रोहित भारद्वाज, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष भूपेेंद्र ठाकुर, अरुण मेहता, अरुण ठाकुर, अमित भारद्वाज, दिग्विजय ठाकुर, विनोद ठाकुर, अमन हिमांशु, श्रीकांत, तुषार, राजेंद्र, दीवांशु श्रीकांत, विदांत मेहता, सोनी सिंह, विशाल व युवा मोर्चा सोलन मंडल का सहयोग रहा। इसमें 200 से 250 युवाओं ने सोलन मंडल युवा मोर्चा के अध्यक्ष वैभव ठाकुर की अध्यक्षता में हिस्सा लिया और 75 यूनिट ब्लड डोनेट किया।
हिमाचल प्रदेश में क्रिप्टो करंसी ठगी का किंगपिन सुभाष शर्मा देश छोड़कर फरार हो गया है। हालांकि दो दिन पहले पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने दावा किया था कि पुलिस सरगना तक पहुंच गई है। मगर, मंडी निवासी सुभाष शर्मा पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि सुभाष शर्मा कब देश छोड़कर भागा और अब किस देश में है। हालांकि चर्चाएं सुभाष शर्मा के दुबई को भागने की हैं, लेकिन पुलिस अभी इसे लेकर आशंकित है। बताया जा रहा है विदेश को फरार हो चुके सुभाष शर्मा ने लोगों के पैसे से अकूत संपत्ति बनाई है। उसने मंडी के अलावा चंडीगढ़, जिरकपुर में कई बीघा जमीन, फ्लैट, पेट्रोल पंप, होटल, पंजाब के पॉश इलाकों में कई सैलून और मसाज सेंटर भी खोल रखे हैं।
नूरपुर पुलिस ने बुधवार रात डमटाल के भदरोया में नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी से 187.70 ग्राम अफीम बरामद की है। गाड़ी में सवार तीन युवकों से दो देसी कट्टा, पिस्तौल व राउंड बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी राहुल के कब्जे से एक देसी कट्टा व एक राउंड, आरोपी दीपक से एक पिस्तौल व एक राउंड तथा आरोपी सुलभ अभिनंदन से दो देसी कट्टे व दो राउंड बरामद किए हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपूर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस ने गाड़ी सहित देसी कट्टे, पिस्तौल व राउंड को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जनजातीय जिला किन्नौर के निगुलसरी के पास भूस्खलन होने से नेशनल हाईवे-5 एक बार फिर से बंद हो गया है। बताया जा रहा है कि पहाड़ी से भूस्खलन होने से मार्ग अवरुद्ध हुआ है। इसके कारण दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप है। किन्नौर जिले में इन दिनों सेब सीजन जोरों पर है लेकिन बार-बार हाईवे बंद होने से बागवानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। पिछले दिनों निगुलसरी के पास भारी भूस्खलन होने से अवरुद्ध हाईवे 10 दिन बाद बहाल किया गया था। एक बार फिर से भूस्खलन होने से जिले के लोगों को परेशान होने पड़ रहा है। वहीं एक्सईएन नेशनल हाईवे केएल सुमन ने बताया सुबह के समय भूस्खलन होने से हाईवे बंद हो गया है। जल्द एनएच को बहाल कर दिया जाएगा।
आज से क्रिकेट वर्ल्ड कप मैचों की शुरुआत होगी। गुजरात के अहमदाबाद में दोपहर डेढ़ बजे से पहला मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले वर्ल्ड कप के मैचों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्टेडियम के अंदर और बाहर थ्री लेयर की सुरक्षा की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। यहां होने वाले पांचों मैचों में स्टेडियम के अंदर और बाहर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मैच से पहले क्राइम ब्रांच 3 ड्रोन से स्टेडियम और आसपास के इलाके में गश्त करेगी। क्राइम ब्रांच के डीसीपी चौतन्य मांडलिक ने बताया कि अहमदाबाद में होने वाले मैचों को लेकर आतंकी हमले की धमकी दी गई है। इसे गंभीरता से लेते हुए स्टेडियम के अंदर और बाहर थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मैचों के लिए लगभग 3500 पुलिसकर्मी होंगे। धर्मशाला में 7 को अफगानिस्तान और बांग्लादेश का मैच दुनिया के सबसे सुंदर क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 7 अक्तूबर को अफगानिस्तान और बांग्लादेश का मैच होगा। दोनों टीमें धर्मशाला पहुंच चुकी हैं। यहां कुल पांच मैच खेले जाएंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला 22 अक्तूबर को होगा।
इस मानसून सीजन में प्रदेश में जितने दिन स्कूल बंद रहे, उतने दिन या घंटे तक एक्स्ट्रा कक्षाएं लगानी होंगी, ताकि बच्चों की पढ़ाई को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। इसे लेकर प्रारंभिक शिक्षा और उच्च शिक्षा निदेशक ने सर्कुलर जारी कर सभी डिप्टी डायरेक्टर को इन आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों में स्पष्ट कहा गया कि रोजाना एक घंटे एक्स्ट्रा क्लासेज लगाई जाएं। यदि बीच में दो-तीन दिन की छुट्टियां आती हैं तो एक दिन स्कूल खुले रखकर बच्चों को पढ़ाई कराई जाए। इन आदेशों का सख्ती से पालन होना चाहिए। स्कूल प्रिंसिपल और हेडमास्टर को एक्स्ट्रा क्लाजेस का टाइम टेबल बाकायदा डिप्टी डायरेक्टर को शेयर करने को बोला गया है। बरसात में महीना भर बंद रहे थे कुछ स्कूल इस बार भारी बारिश के कारण कई जगह शिक्षण संस्थान मानसून सीजन में एक महीने से भी ज्यादा समय तक बंद रखे गए थे। इनमें मंडी, कुल्लू और शिमला जिला के ज्यादातर स्कूल शामिल हैं। शिमला जिले के ठियोग, रोहड़ू, कोटखाई, कुल्लू के आनी, मंडी व सिरमौर के कई क्षेत्रों में बार-बार स्कूल बंद किए गए हैं।
भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष तिलक राज, संग्ठनात्मक जिला नूरपुर अध्यक्ष रमेश राणा, जिला शीर्ष नेतृत्व एवं जिला के सभी मंडलाध्यक्षों से चर्चा के उपरांत उप तहसील राजा का तालाब की गोलवां पंचायत से संबंध रखने वाले समिति सदस्य मुनीष कालिया उर्फ लक्की को भाजयुमो संगठनात्मक जिला नूरपुर का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कालिया ने बताया कि उनको जो भी पार्टी द्वारा जिम्मेदारी दी गई है, उसको वह अच्छी तरह से निभाएंगे। उन्होंने नियुक्ति के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जिला अध्यक्ष रमेश राणा, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज, युवा जिला अध्यक्ष राहुल कालिया,युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष भवानी पठानिया का धन्यवाद किया है। मुनीष कालिया बने जिला नूरपुर भाजयुमो के उपाध्यक्ष भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष तिलक राज, संग्ठनात्मक जिला नूरपुर अध्यक्ष रमेश राणा, जिला शीर्ष नेतृत्व एवं जिला के सभी मंडलाध्यक्षों से चर्चा के उपरांत उप तहसील राजा का तालाब की गोलवां पंचायत संबंध रखने वाले समिति सदस्य मुनीष कालिया उर्फ लक्की को भाजयुमो संगठनात्मक जिला नूरपुर का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कालिया ने बताया कि उनको जो भी पार्टी द्वारा जिम्मेदारी दी गई है, उसको वह अच्छी तरह से निभाएंगे। उन्होंने नियुक्ति के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जिला अध्यक्ष रमेश राणा, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज, युवा जिला अध्यक्ष राहुल कालिया,युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष भवानी पठानिया का धन्यवाद किया है। मुनीष कालिया बने जिला नूरपुर भाजयुमो के उपाध्यक्ष भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष तिलक राज, संग्ठनात्मक जिला नूरपुर अध्यक्ष रमेश राणा, जिला शीर्ष नेतृत्व एवं जिला के सभी मंडलाध्यक्षों से चर्चा के उपरांत उप तहसील राजा का तालाब की गोलवां पंचायत संबंध रखने वाले समिति सदस्य मुनीष कालिया उर्फ लक्की को भाजयुमो संगठनात्मक जिला नूरपुर का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कालिया ने बताया कि उनको जो भी पार्टी द्वारा जिम्मेदारी दी गई है, उसको वह अच्छी तरह से निभाएंगे। उन्होंने नियुक्ति के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जिला अध्यक्ष रमेश राणा, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज, युवा जिला अध्यक्ष राहुल कालिया,युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष भवानी पठानिया का धन्यवाद किया है।
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि खड्डों तथा नालों के चैनलाइजेशन के लिए उपयुक्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि बरसात के कारण होने वाले नुक्सान को कम किया जा सके। बुधवार को धर्मशाला में एनआईसी के सभागार में कांगड़ा जिला में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत तथा पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों के पुनर्वास को लेकर कृतसंकल्प है इसी दिशा में मुख्यमंत्री ने 4500 करोड़ रुपये का स्टेट पैकेज घोषित कर प्रभावितों के जख्मों पर मरहम लगाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में इतनी बड़ी त्रासदी पहली बार आई है, जिससे निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने भी बेहद बड़ा दिल और अदम्य साहस दिखाया है। एमएलए विकास निधि के तहत नालों के तटीकरण का प्रावधान कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि अब विधायक क्षेत्र विकास निधि के तहत आपदा प्रभावित परिवारों को घरों के लिए रिर्टेंनिंग वॉल तथा नालों के तटीकरण का प्रावधान किया गया है। इस निधि के अंतर्गत इस वितीय वर्ष में प्रति विधानसभा क्षेत्र के लिए दो करोड़ दस लाख रूपये का प्रावधान किया गया है इसके अतिरिक्त सभी जिलों में एसडीपी के अंतर्गत अनस्पेंट राशि को आपदा प्रभावित घरों के लिए रिटेनिंग वॉल तथा नालों के तटीकरण के लिए खर्च करने की अनुमति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में ग्रामीण क्षेत्रों में जिन परिसंपत्तियों का नुक्सान हुआ है उनको मनरेगा के अंतर्गत मदद प्रदान की जाएगी। सरकार द्वारा ऐसे सभी कार्यों की उपायुक्त एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा से प्राप्त स्वीकृति के उपरांत मनरेगा दिशा निर्देशों के अनुसार व्यक्तिगत लाभार्थी के लिए एक लाख रूपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। कांगड़ा जिला में आपदा प्रभावितों को 5 करोड़ 93 लाख की आर्थिक मदद इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि जिला कांगड़ा में प्रभावितों को कुल 5 करोड़ 93 लाख 7 हजार 815 रूपये की आर्थिक सहायता सरकार द्वारा अब तक उपलब्ध करवाई गई है तथा प्रभावितों को 863 तरपाल और 15 टेंट वितरित किए गए। 240 परिवारों को राशन किट्स और खाद्य सामग्री दीगई। जिले में कुल 6 राहत शिविर सरकार द्वारा लगाए गए हैं। धीरा में 2, ज्वालाजी में 3 तथा नूरपुर एक राहत शिविर फिलहाल चल रहा है। पोंग बांध क्षेत्र से रेस्क्यू के दौरान इंदौरा और फतेहपुर में भी 5 राहत शिविर लगाए गए थे।अभी 175 के करीब लोग राहत शिविरों में रहे हैं।वहीं इंदौरा और फतेहपुर में रेस्क्यू के दौरान लगभग एक हजार लोगों को राहत शिविरों में रहने-खाने के साथ स्वास्थ्य जांच और गर्भवती महिलाओं और बच्चें के लिए टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां हिमाचल प्रदेश एसएमसी टीचर्ज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है। उनके हितों के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने कैबिनेट सब कमेटी का गठन भी किया है। यह कमेटी शीघ्र ही अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों का उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने बजट में एसएमसी अध्यापकों के मानदेय में बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। इस अवसर पर एसोसिएशन ने आपदा राहत कोष के लिए मुख्यमंत्री को एक लाख 51 हजार 111 रुपये का चेक भेंट किया। इस अवसर पर विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, विनय कुमार, केवल सिंह पठानिया, मलेंद्र राजन, एचपी एसएमसी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील शर्मा और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिला किन्नौर के आईटीडीपी भवन में जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला के लोगों की सभी शिकायतों का निवारण प्राथमिकता से करें ताकि जिला के लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा उनके हित में आरंभ किए गए कार्यों का लाभ प्राप्त हो सके। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार विभिन्न जन-कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं के माध्यम से समस्त प्रदेश के लोगों के कल्याण व सुविधा के लिए निरंतर तत्परता से कार्य कर रही है। ऐसे में यह आवश्यक है कि संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न नीतियों व योजनाओं का लाभ आम जन-मानस तक पहुंचाने में शीघ्रता के साथ कार्य करें। बैठक में जिला की शिकायत निवारण समिति के गैर-सरकारी सदस्यों से प्राप्त हुई शिकायतों के मदों पर चर्चा की गई तथा राजस्व मंत्री ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का हल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में भावानगर के रीसूरो से कुलिड़गा तक प्रस्तावित सिंचाई कुहल का कार्य शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बैठक में बताया गया कि निचार में मल निकासी प्रणाली बनाने के लिए शीघ्र निविदा आमंत्रित कर कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। बैठक में वन विभाग द्वारा प्रतिवर्ष किए जाने वाले पौधरोपण व करेट वॉल पर विस्तृत चर्चा की गई तथा वन विभाग के अधिकारियों द्वारा जिला में किए गए पौधरोपण बारे अवगत करवाया गया। मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जिला में अधिक से अधिक पौधरोपण करें व करेट वॉल को लगाने के कार्य में शीघ्रता लाएं। बैठक में जिला में आवारा पशुओं व पशुशालाओं की समस्या बारे भी चर्चा की गई जिस पर उप-निदेशक पशुपालन विभाग जिला किन्नौर ने अवगत करवाया कि वर्तमान में जिला में गौ-सेवा समिति बादंग व श्री महेश्वर गौ-सेवा भावा वैली क्रियाशील है जिन्हें 30 से अधिक गौ वशंज की देखभाल के लिए 700 रुपये प्रति गौवंश प्रदान किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त रल्ली में एक गौसदन का निमाण खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय कल्पा के माध्यम से किया जा रहा है। बैठक में जिला के रकच्छम में किसानों व बागवानों की घरों के उपर से जाने वाली विद्युत लाईनों को हटाने के निर्देश दिए। रकच्छम गांव में विद्युत पोल को हटाने तथा रकच्छम गांव से रेस्टहाऊस तक पक्का डंगा लगवाने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से शोंग में लंबित पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। इसके अलावा जिला की लाबरंग पंचायत में प्रस्तावित व लंबित पड़े विभिन्न विकासात्मक कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सांगला तहसील के तहत विभिन्न पंचायतों व गांव में लोक निर्माण व जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को सड़कों व सिंचाई से संबंधित सभी शिकायतों का निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा तराण्डा व निगुलसरी पंचायत से प्राप्त हुए मदों के निवारण के लिए भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बैठक में रिकांग पिओ में मुख्य स्थानों पर कूड़ादान लगाने पर चर्चा की गई तथा सदस्य सचिव, साडा ने अवगत करवाया कि रिकांग पिओ में कूड़ादान लगाने के लिए स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं तथा शीघ्र ही कूड़ादान लगाने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इसके अलावा, रिकांग पिओ बाजार व क्षेत्रीय अस्पताल रिकांग पिओ में बंद पड़े सी.सी.टी.वी कैमरों की शीघ्र मरम्मत करने व रिकांग पिओ बाजार में फांउटेन को सुचारू करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कोठी पंचायत को जल जीवन मिशन के तहत सभी मकानों को जोड़ने व पाईप लाईनों में पानी सुचारू रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला के पूह उपमंडल में पानी की समस्या का निवारण शीघ्र अति शीघ्र करने के निर्देश दिए गए। पूह में विद्युत समस्या को बहाल करने व विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने की समस्या को भी शीघ्र हल करने के आदेश दिए गए। बैठक की कार्यवाही का संचालन अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी पूह विनय मोदी ने किया। बैठक में उपायुक्त किन्नौर तोरूल रवीश, पुलिस अधीक्षक विवेक चाहल, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक बिक्रम सिंह, वनमण्डलाधिकारी अरविंद, उपमण्डलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता व उपमण्डलाधिकारी निचार बिमला वर्मा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
-जीएसटी अधिनियम के तहत वसूला 15,32,594 रुपये जुर्माना राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त डॉ. युनुस ने आज यहां बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर प्रवर्तन दल ऊना ने एक रजत आभूषण व्यपारी के घर से 4,64,42,227 रुपये के आभूषण पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। यह आभूषण बिना बिल अथवा दस्तावेजों के थे। इस मामले में विभाग द्वारा जीएसटी अधिनियम के अंतर्गत 15,32,594 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में विभाग की देहरा स्थित टीम ने भी रात्रि चैकिंग के दौरान बिना बिल के सामान पर जीएसटी अधिनियम के अंतर्गत 1,00,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया है। इसके अतिरिक्त आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रदेश में विभिन्न टीमों ने कार्रवाई करते हुए लगभग 250 बल्क लीटर शराब जब्त कर नष्ट की है। इस कार्रवाई के दौरान बीबीएन (राजस्व जिला) की टीम ने बरोटीवाला, कालू झंडा, कुल्हारीवाला और कुंझल क्षेत्र में छापेमारी की तथा 115 बल्क लीटर शराब घर व करियाना की दुकान से जब्त की। यह शराब चंडीगढ़ में बिक्री के लिए थी। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर की आबकारी टीम ने गांव जामनी घाट के निकट बोतलों एवं कैनों में भरी लगभग 90 लीटर अवैध शराब पकड़ी जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसी तरह टीम शिमला ने संदिग्ध करियाना की दुकानों तथा ढाबों पर छापेमारी की तथा आबकारी अधिनियम की धारा 39 के तहत मामला दर्ज करते हुए 22 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। आयुक्त ने अवगत करवाया कि विभाग द्वारा पिछले कुछ समय में 77000 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त कर नष्ट करने के साथ ही लगभग 230 मामले आबकारी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज किए हैं। इस कार्य को अंजाम देने में विभाग की 26 टीमें दिन-रात कार्यरत हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालय में सत्र 2024-25 में 9वीं तथा 11वीं कक्षा के लिए रिक्त स्थानों को भरने के लिए लेटरल एंट्री परीक्षा में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव ने दी। अजय यादव ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर है। परीक्षा 10 फरवरी को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अधिक जानकारी जवाहर नवोदय विद्यालय की वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।
शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक तथा औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री रोहित ठाकुर 6 अक्तूबरको सोलन जिला के प्रवास पर आ रहे हैं। रोहित ठाकुर शाम 7 बजे सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में 19वें हिमाचल उत्सव में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
-द लॉरेंस स्कूल सनावर के स्थापना दिवस समारोह में की शिरकत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज सोलन जिला के द लॉरेंस स्कूल सनावर के 176वें स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता की और मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर पुरस्कार वितरित किए। मुख्यमंत्री ने इस विशेष अवसर पर स्कूल के शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में बेहतर इंसान बनने की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन के निर्णय जटिल हो सकते हैं और कई बार स्वार्थ और बिना किसी प्रयास के आसानी से सफल होने की आकांक्षा किसी को भी आकर्षित कर सकती है, लेकिन जीवन में कभी भी शार्टकट सफलता का विकल्प नहीं हो सकता। हमें सदैव याद रखना चाहिए कि सफलता, प्रसिद्धि, लोकप्रियता और धन अस्थायी खुशी प्रदान कर सकते हैं, परन्तु वास्तविक रूप से जीवन मूल्यों के प्रति सच्चे रहने, नैतिकता का पालन करने तथा सदाचारी जीवन जीने से ही वास्तविक संतोष प्राप्त होता है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने सिद्धांतों पर अटूट विश्वास के महत्व पर बल देते हुए कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन ईमानदारी और नैतिक मूल्य हमारे जीवन में एक मार्गदर्शक का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, अपनी आकांक्षाओं और लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अथक परिश्रम करने तथा चुनौतियों का सामना करने पर भी कभी हार न मानने का आह्वान भी किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों में स्वतंत्र सोच और अनुशासन जैसे गुणों का विकास करने में द लॉरेंस स्कूल, सनावर के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि यह गुण जीवन में आगे बढ़ने में अमूल्य साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्थान ने छात्रों के जीवन को आकार दिया है और यह संस्थान विद्यार्थियों को ज्ञान एवं चरित्र की खोज के लिए भी प्रेरित करता है। इससे पहले, ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षक संवर्दधन केंद्र का लोकार्पण और नवाचार प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्य अध्यापक, हिम्मत सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और स्कूल की उपलब्धियों और गतिविधियों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को सर्वांगीण शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक विनोद सुल्तानपुरी और भुवनेश्वर गौड़, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, जोगिंद्रा बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, सोलन जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार, सचिव गृह डॉ. अभिषेक जैन, अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिघर सूद और सचिव डेजी ठाकुर ने कहा की हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के साथ अन्याय होता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस की वर्तमान सरकार को कोरोना महामारी के समय जनता की सेवा करने वाले योद्धा भी नहीं दिखे और हद तो तब हो गई जब एक महिला ने कांगड़ा में मुख्यमंत्री के पैर पकड़ लिए और गिड़गिड़ाते हुए अपनी नौकरी के लिए भीख मांगी, तब भी मुख्यमंत्री ने कुछ नहीं किया। लगता है कि मुख्यमंत्री पत्थरदिल हो गए हंै। वो केवल मात्र वो ही निर्णय ले रहे हैं, जो उनको और उनकी जत्थे को पसंद आ रहे हैं, महिला कर्मचारियों को होने वाली परेशानी तो मुख्यमंत्री को दिख नहीं रही है। उन्होंने कहा की रात 11 बजे भी कर्मचारी सरकार के खिलाफ नारे बाजी कर रहे हैं और बड़ी बात यह है कि महिला उस प्रदर्शन में बड़ी संख्या और अग्रिमी भूमिका में भाग ले रही है। एक महिला ने तो मुख्यमंत्री से जहर की गुहार ही लगा दी इससे पाता चलता है की हिमाचल प्रदेश में महिला सम्मान का क्या स्थिति है। शायद मुख्यमंत्री महिला शक्ति का दर्द समझते नहीं है, उनके छोटे-छोटे बच्चे होते हैं जो घर पर हैं और इस सरकार की वजह से महिलाएं सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में महिलाएं प्राचीन समाज और आधुनिक कहे जाने वाले समाज में उपेक्षित ही रही हैं। जिस तरह हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को सम्मान, सुविधाओं, अधिकारों और उन्नति के अवसरों से दूर रखा जाता रहा है, इसी कारण महिलाओं की स्थिति अत्यन्त निचले स्तर पर है।
-झूठ बोलकर ज्यादा दिन काम नहीं चलाया जा सकता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में इतने झूठ बोले हैं कि प्रदेश के लोगों का कांग्रेस से भरोसा ही उठ चुका है। अब सरकार की किसी बात पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि झूठ बोलना अब कांग्रेस की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि आपदा राहत के नाम पर झूठ बोलने के बाद सरकार अब आपदा राहत पैकेज के नाम पर झूठ बोल रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा राहत पैकेज जब तक ज़मीन पर नहीं उतर जाता और असली प्रभावितों को लाभ नहीं मिल जाता तब तक कांग्रेस सरकार की बातों पर भरोसा नहीं कर सकते हैं। क्योंकि पिछले दस महीनें में कांग्रेस पार्टी ने और मुख्यमंत्री ने जितनी बातें की हैं वह आज तक धरातल पर नहीं उतरी हैं। अब कांग्रेस सरकार की विश्वसनीयता ही संदिग्ध हो गई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह से झूठ बोलकर सत्ता हासिल कर ली है। उसी तरह से अब सरकार भी चलाना चाहती है। उन्होंने कहा कि न तो झूठ के पांव होते हैं और न ही लंबी उम्र। अब कांग्रेस का झूठ पूरी तरह से बेनक़ाब हो गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा के बाद मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्य के नाम पर बढ़चढ़कर झूठ बोले। इसके बाद केंद्र सरकार से मदद मिलने के बाद भी झूठ बोला कि कोई मदद नहीं मिली। अब राहत पैकेज के नाम पर भी झूठ बोलकर प्रदेश के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री, उनकी पूरी टीम और उनके पार्टी नेता एक तरफ़ कह रहे हैं कि आपदा राहत पैकेज में केंद्र की तरफ़ से कुछ नहीं मिला है और दूसरी तरफ़ मनरेगा के कामों को भी राहत पैकेज में जोड़ रहे हैं। केंद्र की तरफ से आपदा प्रभावितों को दिये गये 6000 मकान भी उसी पैकेज का हिस्सा है। केंद्र द्वारा दिये गए 756 करोड़ रुपए के अलावा अन्य सहयोग भी उसी पैकेज का हिस्सा है। ऐसे में सवाल यह है कि राहत पैकेज में आखिर सरकार का क्या सहयोग है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी चिंता है राहत का पैसा पात्र लोगों तक पहुंचे। अभी तक ऐसा होता नहीं दिख रहा है। जगह-जगह से ऐसी रिपोर्ट्स आ रही है कि सत्ता पक्ष के लोग अपनी-अपनी सूचियां बना रहे हैं। जिससे अपने लोगों को लाभान्वित किया जा सके। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार यह कान खोलकर सुन ले, आपदा राहत में बीजेपी किसी प्रकार की बंदरबांट नहीं होने देगी। अगर किसी भी प्रकार की मनमानी और अपना-पराया करने का प्रयास किया जाएगा तो बीजेपी चुप नहीं बैठने वाली है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा के दिन से अभी तक मैं प्रदेश के विभिन्न इलाक़ों में निरंतर जा रहा हूँ। हर जगह से यही बात सामने आ रही है कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं एक लाख दिया और लोगों को पांच हज़ार मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक सुक्खू सरकार द्वारा किए गए काम से यह साफ़ है कि इनकी कथनी और करनी में ज़मीन आसमान का अंतर है। इसलिए जब तक कांग्रेस का आपदा राहत पैकेज ज़मीन पर उतर नहीं जाता, पात्र लोगों को मिल नहीं जाता, तब तक कांग्रेस सरकार की बातों पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।
खुद को कर्मचारियों की हितैषी सरकार बताकर वाहवाही लूटने वाली सरकार से दावे पिछले कई माह से खोखले साबित हो रहे हैं। पिछले पांच दिनों से सरकार ने जमकर फजियत भी हो रही है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार कर्मचारियों की अधिकारियों के प्रति मौन है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने जारी एक बयान में कहा कि सरकार के मुखिया और उनके मंत्री व विधायक हर मंच पर बस यही राग अलापते हैं कि प्रदेश के कर्मचारी सरकार की रीड़ हैं और कर्मचारियों के बिना सरकार का कोई आधार नहीं है। एक ओर कांग्रेस सरकार कर्मचारियों को ऐसा कहकर रिझाने का प्रयास करती है, वहीं दूसरी और जब उनके अधिकारियों की बात आती है तो कुछ भी कहने से गुरेज कर रही है। आउटसोर्स कर्मचारी लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि उनके लिए स्थायी नीति बनाई जाए। यह कर्मचारी यह भी नहीं कह रहे हैं कि उन्हें तत्काल स्थायी कर्मचारी बना दिया जाए। उनकी सिर्फ इतनी सी मांग है कि उनके लिए स्थायी नीति बनाई जाए, ताकि उन्हें पता चल सके कि उनकी सेवा का प्रारूप क्या करेगा। इसके विपरीत कांग्रेस सरकार इस पर कुछ भी नहीं कर पा रही है। वहीं दूसरी ओर जिला परिषद कर्मचारी जोकि यह मांग कर रहे हैं कि उन्हें पंचायती राज विभाग में शामिल किया जाए। उनको हड़ताल करते पांच दिन बीत चुके हैं। इस हड़ताल में महिला कर्मचारी भी अपने छोटे छोटे बच्चों के साथ हड़ताल पर बैठी है। कर्मचारी हड़ताल पर जाने से पंचायतों के सारे काम ठप पड़ गए हैं। हिमाचल प्रदेश की सरकार ने इन कर्मचारियों की मांगों को अनसुना कर दिया, जिस कारण आज ये कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द इन कर्मचारियों के प्रति कोई निर्णय लेना होगा।
-कहा, पीडब्ल्यूडी मंत्री भूल गए, उनकी मां भी सांसद भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर, विक्रम वर्मा और विवेक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के मंत्री विक्रमादित्य सिंह की भाषा शैली ठीक नहीं है और हम इसकी घोर निंदा करते हैं। गौरतलब है कि विक्रमादित्य सिंह ने एक चैनल को बयान देते हुए कहा था कि सांसद सुरेश कश्यप को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री विक्रमादित्य की मां भी सांसद है। अगर वो किसी सांसद के बारे में टिपणी करते हंै तो उन्हें पहले अपनी मां के बारे में भी सोच लेना चाहिए। शायद मंत्री जी यह भूल गए हैं कि सांसद सुरेश कश्यप ने हिमाचल की आवाज केंद्र तक अनेकों बार पहुंचाई है। वैसे तो यह जायज है शायद निंदा करने वाले की याददाश्त कमजोर ही होती है। सुरेश कश्यप ने रेल मार्ग, सड़क, टनल निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान और आपदा राशि के लिए केंद्र से सैकड़ों बात गुहार लगाई है और उस पर केंद्र सरकार ने एक्शियोज भी लिया। उन्होंने कहा कि हमें अफसोस है कि प्रदेश के 5 नगर निगम सहित 60 शहरी निकायों को 50 फीसदी ग्रांट इन एड वापस करनी होगी। इससे त्रासदी के बाद पुनर्वास की योजनाएं बनाने में लगे शहरी निकायों की परेशानी बढ़ गई है। निदेशक शहरी विकास विभाग ने नगर निगम के आयुक्त, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी व नगर पंचायतों के सचिवों को पत्र लिखकर ग्रांट वापस करने के निर्देश दिए हैं। अगर मंत्री विक्रमादित्य सिंह में दम होता तो कांग्रेस के इस नकारात्मक काम को रोक कर बताते।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 4500 करोड़ का राहत कोष स्थापित किया है। आज मंडी सदर के जागर पंचायत में आपदा प्रभावित लोगों की एक सभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में इस आपदा से करीब 12000 करोड़ का नुकसान आंका गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश को कोई भी विशेष मदद नहीं दी है, बावजूद इसके प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से प्रभावित लोगों की पूरी मदद कर रही है। प्रतिभा सिंह ने जागर पंचायत में आपदा से हुए भारी नुकसान पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी प्रकट की। इस दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर व पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
-ध्रुव को शिमला की बागडोर, हर्ष कपूर कुल्लू व रामकुमार देखेंगे चंबा इंटक के युवा इंटक विंग ने हिमाचल के चार जिलों के अध्यक्ष तय कर लिए हैं। इसमें शुभम सूद को सबसे बड़े जिला कांगड़ा में जिला युवा इंटक का अध्यक्ष बनाया गया है। शुभम सूद मौजूदा समय में धर्मशाला में कांग्रेस पार्टी के अहम सदस्य हैं। वह पिछले कई सालों से पूरे हलके व पार्टी के अन्य संगठनों में एक्टिव हैं। बुधवार को युवा इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय गाबा, इंटक प्रदेशाध्यक्ष हरदीप बावा की अप्रूवल पर युवा इंटक प्रदेशाध्यक्ष जसविंद्र चौहान ने चार जिलों के अध्यक्षों का ऐलान कर दिया है। इसमें कांगड़ा के अलावा चंबा जिला की कमान रामकुमार, शिमला की ध्रुव, कुल्लू की हर्ष कपूर को दी गई है। सभी नए जिलाध्यक्षों ने इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय गाबा, इंटक प्रदेशाध्यक्ष हरदीप बावा व युवा इंटक अध्यक्ष जसविंद्र चौहान का धन्यवाद किया है। कांगड़ा जिलाध्यक्ष शुभम सूद ने कहा कि वे अपनी तैनाती पर खासतौर से कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा हमेशा युवाओं को प्रेरित करते हैं। वह सभी संगठनों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इसके लिए वह सुधीर शर्मा का आभार प्रकट करते हैं।
-कहा, पंचायत प्रधान परिषद धर्मपुर करती है मांगों का समर्थन -मांगें नहीं मानीं तो पंचायत प्रधान परिषद भी बैठ जाएगी हड़ताल पर जिला परिषद कैडर अधिकारी/कर्मचारी महासंघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज पांचवें दिन में प्रवेश कर गई। इन कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पंचायतों के विकास कार्य एवं लोगों के प्रमाण पत्र संबंधित कार्य भी पूरी तरह से ठप हो चुके हैं। मनरेगा कार्यों का मूल्यांकन न होने के कारण मजदूरों को मजदूरी भी नहीं मिल पा रही है। इस मुद्दे पर विकास खंड धर्मपुर के प्रधानों ने विकास खंड कार्यालय में बैठक की व सरकार से मांग की कि इन कर्मचारियों की मांगों को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि पंचायत के कार्यों को पुन: पटरी पर लाया जा सके सके। संघ के प्रधान बलवंत ठाकुर ने बताया कि हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों की मांगें बहुत बड़ी नहीं हैं। वे कोई ऐसी मांग नहीं कर रहे, जो कि किसी भी तरह से अनुचित हो। उनकी सभी मांगों का पंचायत प्रधान परिषद धर्मपुर समर्थन करती है। प्रधान द्वारा सरकार को चेताया गया कि यदि कर्मचारी व अधिकारियों की मांगों को शीघ्र पूर्ण नहीं किया गया तो पंचायत प्रधान परिषद भी इन कर्मचारियों के पक्ष में हड़ताल पर बैठने हेतु मजबूर हो जाएगी। पंचायत परिषद ने बीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर विभिन्न पंचायत के प्रधान उपस्थित रहे।
-छात्र स्कूल कुनिहार में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता संपन्न -समापन अवसर पर डॉ. जगदीश नेगी ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में जिला क्रीड़ा संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय छात्र अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। समापन अवसर पर शिक्षा उप निदेशक सोलन डॉ. जगदीश नेगी ने मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचकर विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। विद्यालय पहुंचने पर मुख्यातिथि का विद्यालय परिवार व जिला क्रीड़ा संघ द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य व आयोजन समिति सचिव बीएस ठाकुर ने मुख्यातिथि व अन्य मेहमानों का धन्यवाद किया। वहीं, मुख्यातिथि ने आयोजन समिति को खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने बच्चों से कहा कि जीवन में पढ़ाई, खेलकूद व अन्य किसी भी प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत से प्रयास करें तो आपको सफलता जरूर मिलेगी। इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य बीएस ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष रंजीत ठाकुर, विद्यालय सलाहकार अक्षरेश शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान जगदीश अत्री, सदस्य प्रदीप पूरी, रक्षा, एडीपीओ सोलन अशोक चौहान, डीपीई महेंद्र राठौर, पीटीआई सुरेश कुमार व अन्य मौजूद रहे। विभिन्न स्पर्धाओं में ये रहे विजेता और उप विजेता फुटबॉल में सोलन विजेता व कुनिहार उप विजेता रहा, हॉकी में जगातखाना विजेता व सोलन उप विजेता, बास्केटबाल में डीएवी सोलन विजेता व सुबाथू उप विजेता रहा, हैंडबॉल में सुबाथू विजेता व सौर उप विजेता रहा, टेबल टेनिस में डीपीएस सोलन विजेता व बीएल स्कूल कुनिहार उप विजेता रहा, ताइक्वांडो में बद्दी विजेता व धर्मपुर उप विजेता रहा, जुडो में ब्रूना विजेता व कोठी देवरा उप विजेता, बॉक्सिंग में अर्की पहले व एलपीएस अर्की दूसरे स्थान पर रहे, वेट लिफ्टिंग में भाटियान पहले व पंजेहरा दूसरे स्थान पर रहा।
-अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर ने कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराया -प्रदेश सरकार से बात करने का दिया आश्वासन प्रधान परिषद विकास खंड कुनिहार के अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में विभिन्न पंचायतों के प्रधानों ने जिला परिषद कैडर कर्मचारी/अधिकारी महासंघ को अपना समर्थन दिया है। बुधवार को हड़ताल स्थल पर पहुंचे अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर व अन्य पंचायत प्रधानों ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें बिलकुल जायज हंै। रूप सिंह ठाकुर ने आश्वासन दिया कि वे एक प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से प्रदेश सरकार के समक्ष पुरजोर तरीके से मांग करेंगे कि कर्मचारियों व अधिकारियों की दीर्घ समय से लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि इन सभी कर्मचारियों को अपने भविष्य की चिंता न सताए। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी पंचायत प्रतिनिधियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार की नीतियों को मूर्त रूप देने में अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में इनकी विभाग में विलय करने की मांग को सरकार को जल्द पूरा करना चाहिए।


















































