- कांग्रेस विधायक ने आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल के साथ देखा मैच धमर्शाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को इंग्लैंड और बांग्लादेश के बीच वर्ल्ड कप का रोमांचकारी मैच हुआ। शानदार मौसम, धौलाधार पहाड़ियों के मनमोहक दृश्य के बीच दर्शकों ने इस मैच का खूब आनंद उठाया। आईपीएल के चेयरमैन अरुण धूमल और धर्मशाला के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुधीर शर्मा ने एक साथ बैठकर मैच देखा। सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि उनके क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का इतना बड़ा आयोजन हो रहा है। हिमाचल जैसे राज्य की एचपीसीए के जरिये 5 वर्ल्ड कप मैचों के मेजबानी मिलना सौभाग की बात है। धर्मशाला में यह मैच तब हो रहे हैं जब प्रदेश को पर्यटन कारोबार संकट में चल रहा था। आपदा के समय पर्यटन कारोबार को काफ़ी संकट का सामना करना पड़ रहा था लेकिन इन मैचों ने व्यवसायियों को काफ़ी फ़ायदा पहुंचाया है। इससे धर्मशाल सहित पूरे प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर उभर कर सामने आया है, इसका लाभ हमेशा के लिए हुआ है। सुधीर शर्मा ने वर्ल्ड कप मैचों के आयोजन के लिए एचपीसीए को बधाई दी व आईपीएल चैयरमेन अरुण धूमल के पर्यासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन स्तर पर इस आयोजन के लिए पूरा सहयोग दिया जा रहा है। सभी पर्यटकों/दर्शकों को सुविधाएं दी जा रही हैं।
सरकाघाट मंडी की बेटी अद्विका ठाकुर पुत्री गरिमा ठाकुर ने हरियाणा में आयोजित मॉडलिंग प्रतियोगिता में हिमाचल का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में 30 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। अद्विका ठाकुर सबको पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और मिस हरियाणा का खिताब अपने नाम किया। बता दें कि अद्विका ठाकुर इससे पहले लिटल मिस आईकॉनिक हिमाचल 2023 का खिताब भी जीत चुकी है। अद्विका ठाकुर अभी सिर्फ 11 वर्ष की है और 11 वर्ष की आयु में इस बच्ची ने बहुत सी ट्रॉफी और मेडल अपने नाम कर लिए हैं। अद्विका ठाकुर का सपना डॉक्टर बनने का है। मॉडलिंग और डांस वह अपने शौक के लिए करती है। अद्विका ठाकुर ने बताया कि हर मां-बाप को अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रुचि के साथ संगीत, मॉडलिंग, डांस इत्यादि इन क्षेत्रों में भी आगे लाना चाहिए। अद्विका ठाकुर ने आगे बात करते हुए बताया कि इस जीत का पूरा श्रेय वह अपने नाना-नानी और माता गरिमा ठाकुर को देती है, जिन्होंने हमेशा उसे आगे बढ़ने के लिए एक प्रेरणा दी है।
-प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने जिला रोजगार कार्यालयों से मांगी सूची हिमाचल प्रदेश में 1,409 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से 25 वर्ष पहले बीएड करने वालों को भी सरकारी नौकरी करने का मौका मिलने जा रहा है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय टीजीटी कला संकाय के 652, नॉन मेडिकल के 492 और मेडिकल के 265 पद भरेगा। टेट पास अभ्यर्थी भर्ती के लिए पात्र होंगे। अनुबंध आधार पर भर्ती होने वाले शिक्षकों को 22,860 रुपये का फिक्स वेतन मिलेगा। विभाग ने प्रदेश के दुर्गम और दूरदराज के स्कूलों में सेवाएं नहीं देने के इच्छुक अभ्यर्थियों से काउंसलिंग में न आने की अपील की है। किस कोटे में कितने पद टीजीटी के 898 पद अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग से भरे जाएंगे। इसके अलावा पूर्व सैनिक कोटे से 353, खेल कोटे से 68 और दिव्यांग कोटे से 90 पद भरे जाएंगे। 898 पदों के लिए जिला रोजगार कार्यालयों से पात्र अभ्यर्थियों की सूची मांगी गई है। बीए, बीएससी और बीकॉम में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले और बीएड पास अभ्यर्थी भर्ती के लिए पात्र होंगे। टीजीटी के 898 पदों की भर्ती के लिए नॉन मेडिकल संकाय में बीएड करने वालों का वर्ष 1999 का बैच पात्र होगा पूर्व सैनिक कोटे के तहत टीजीटी कला में 159, नॉन मेडिकल में 130 और मेडिकल में 64 पद भरे जाएंगे। निदेशक सैनिक कल्याण विभाग से पात्र अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त होते ही प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को शुरू करेगा। बैचवाइज भर्ती के लिए कला संकाय में अनारक्षित वर्ग के लिए वर्ष 2001, मेडिकल में 2002 का बीएड बैच चल रहा है। कला संकाय की भर्ती के लिए आर्थिक तौर पर कमजोर वर्ग का मई 2003, ओबीसी का 2003, एससी और एसटी वर्ग का वर्ष 2004 का बैच चल रहा है। नॉन मेडिकल भर्ती के लिए ईडब्लूएस का 2002, ओबीसी का 2003, एससी का 2006 और एसटी का 2008 का बैच चल रहा है। मेडिकल संकाय में ईडब्लूएस का 2005, ओबीसी का 2006, एससी-एसटी का वर्ष 2006 का बैच चल रहा है 6 से 15 नवंबर तक जिला स्तर पर होगी काउंसलिंग टीजीटी की बैचवाइज भर्ती के लिए जिला स्तर पर 6 से 15 नवंबर तक काउंसलिंग होगी। जिला उप निदेशक शिक्षा भर्ती करेंगे। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने जिला रोजगार कार्यालयों से 20 अक्तूबर तक पात्र अभ्यर्थियों की सूची देने को कहा है। शिक्षा निदेशालय की जगह जिला उप निदेशक कार्यालयों में अभ्यर्थियों के नाम देने को कहा गया है।
-जातिगत सर्वेक्षण के बाद आर्थिक आधार पर भी होगा सर्वे हिमाचल प्रदेश में भी जातीय जनगणना होगी। दिल्ली में सोमवार को संपन्न कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी ) की मीटिंग में इसे लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया। सीडब्ल्यूसी की चार घंटे तक चली चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। इस प्रस्ताव के मुताबिक, कांग्रेस शासित हिमाचल, कर्नाटक, राजस्थान और छत्तीसगढ़ भी जातीय गणना करेंगे। देश में आज से पहले कभी भी जातीय जनगणना नहीं हुई। खास बात यह है कि आर्थिक बदहाली झेल रहे प्रदेश में सरकार दूसरे चरण में आर्थिक सर्वेक्षण भी करेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने पिछड़े और गरीब तबके तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को इस सर्वेक्षण का आधार बताया है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) में बाकायदा इस बारे में प्रस्ताव पारित किया गया है। प्रस्ताव में कांग्रेस ने अन्य तीन राज्यों के साथ ही हिमाचल में भी जनगणना को जातिगत मोड़ देने का फैसला किया है। दरअसल, देश में कांग्रेस की सरकार चार राज्यों में है और इन सभी में भविष्य में एक साथ पहले जातिगत और उसके बाद आर्थिक आधार पर गणना होगी। हिमाचल के अलावा राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में भी कांग्रेस की सरकारें हैं और यहां भी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने जातिगत सर्वेक्षण का फैसला किया है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में जातिगत सर्वे को लेकर प्रस्ताव पारित हुआ है। इसके साथ ही कांग्रेस देश की दूसरी ऐसी पार्टी भी बन गई है जो जातिगत आधार पर जनसंख्या की गणना करने जा रही है। इससे पूर्व हाल ही में बिहार सरकार ने जातिगत सर्वेक्षण किया है और बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने इस सर्वेक्षण के बाद सामने आए आंकड़ों को भी सार्वजनिक कर दिया है। खास बात यह है कि कांग्रेस ने इस सर्वे में आर्थिक आधार को भी जोड़ा है। पार्टी के इस फैसले को लोकसभा चुनाव से पहले बड़े दांव के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की अध्यक्षता में आयोजित सीडब्ल्यूसी की बैठक में फैसला आने के बाद सांसद राहुल गांधी ने मीडिया को कांग्रेस के इस कदम की जानकारी दी। जहां जीतेंगे, वहां जातिगत सर्वे करवाएंगे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि हिमाचल, कर्नाटक, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जातीय जनगणना करवाई जाएगी। इसके बाद जिन राज्यों में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी, उनमें भी जातिगत सर्वे करवाने का फैसला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य है कि समाज का एक्स-रे होना चाहिए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक्स-रे करवाने से डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को उनका हक दिलवाने के लिए इसके बाद आर्थिक आधार पर भी सर्वेक्षण होगा।
भोटा से कुछ दुरी पर नेशनल हाईवे 103 टयाले दा घाट के पास सिलेंडर से भरा एक ट्रक 100 फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक घायल हुआ है। ट्रक चालक की पहचान अजय कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी दहेला जिला ऊना के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार देर रात करीब 2 बजे अवारा पशुओं को बचाने के चक्कर में पेश आया है। घायल ट्रक चालक ट्रक के अंदर ही फंसा हुआ था। सुबह जब लोग वहां से गुजरे तो उन्होंने देखा कि गैस सिलेंडर बिखरे पड़े हैं और ट्रक चालक अंदर ही फंसा हुआ है। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल ट्रक चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गनीमत यह रही कि ट्रक में जो गैस सिलेंडर रखे थे वह खाली थे जिस कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए भोटा पुलिस कक्ष के प्रभारी राजेश ने कहा कि खाली सिलेंडर से भरा ट्रक आवारा पशुओं को बचाने के चक्कर में खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की टांग में फ्रैक्चर हुआ है। घायल चालक को इलाज के लिए हमीरपुर अस्पताल रेफर किया गया है।
समग्र शिक्षा अभियान जिला कांगड़ा के सौजन्य शिक्षा खंड इंदौरा की राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा में कल दिव्यांग बच्चों के लिए चिकित्सा शिविर लगाया जा रहा है, जिसमें विशेषज्ञ डाक्टरों का दल इन विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे और समग्र शिक्षा अभियान के सौजन्य से उनकी आवश्यकता के अनुसार निशुल्क उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। य़ह जानकारी देते हुए खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी इंदौराइंदु शर्मा ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को शिविर में अवश्य लेकर आएं और लाभ उठाएं। बच्चों के आने-जाने के किराये के साथ साथ दोपहर के खाने और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था होगी। सभी पाठशाला प्रमुखों से भी आग्रह किया कि वे अपने स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 12 तक के सभी विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
जिला सिरमौर के विकास खण्ड पांवटा साहिब के ग्राम पंचायत भरली आगरो के ग्राम बिकौली के वार्ड 3, व विकास खण्ड पच्छाद के ग्राम पंचायत शीनाघाट के ग्राम शीनाघाट में उचित मूल्य की दुकानें खोली जानी है जिसके लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से 31 अक्तूबर तक किया जा सकता है। यह जानकारी जिला नियन्त्रक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, विजय सिंह ने देते हुए बताया कि इच्छुक उम्मीदवार या संस्थाएं निर्धारित प्रपत्र व अन्य दस्तावेज निगम की वेबसाईट पर अपलोड कर उचित मूल्य की दुकान खोलने हेतु आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अन्य किसी भी माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यदि आवेदन ग्राम पंचायत द्वारा किया जा रहा है तो ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से आवेदन करना होगा तथा इसके लिए पंचायत का प्रस्ताव भी अनिवार्य है। स्वयं सहायता समूह को समूह के सचिव के माध्यम से आवेदन करना होगा, स्वयं सहायता समूह का प्रस्ताव तथा समूह का पंजीकरण प्रमाण पत्र व जिस वार्ड से संबंधित है उसका प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य है। इसी प्रकार सहकारी समितियों को सचिव सहकारी समिति के माध्यम से आवेदन करना होगा तथा सोसाइटी का प्रस्ताव व पंजीकरण प्रमाण पत्र व जिस वार्ड से सम्बन्धित है उसका प्रमाण पत्र अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत रूप से आवेदन करने के लिए न्यूनतम योग्यता मैट्रिक व आयु 18 से 45 वर्ष है।
सिरमौर जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में हुई आकस्मिक रिक्तियों को भरने के लिये उप-चुनाव करवाए जाने हैं। इसके लिये जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) सुमित खिमटा ने एक आदेश जारी करते हुए निर्वाचन के संचालन के लिये खण्ड विकास अधिकारी राजगढ़, पांवटा साहिब, नाहन, संगड़ाह तथा तिलोरधार को उनके क्षेत्राधिकार अनुसार रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया हे। साथ ही ग्राम पंचायत हेतु सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त करने के लिये भी प्राधिकृत किया गया है। निर्वाचन कार्यक्रम का नोटिस जारी करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विकास खण्ड राजगढ़ की शिलांजी ग्राम पंचायत में उप-प्रधान का पद भरा जाना है। पांवटा साहिब की बद्रीपुर पंचायत के वार्ड संख्या-एक में सदस्य का पद, मुगलावाला करतारपुर के वार्ड संख्या एक में सदस्य, माजरा के वार्ड संख्या एक में सदस्य तथा भनेता हल्दवाड़ी ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या चार में ग्राम पंचायत सदस्य के पद भरे जाने हैं। नाहन की सलानी कटोली ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर पांच में सदस्य, संगडाह की लुधियाना ग्राम पंचायत के वार्ड नम्बर एक में सदस्य, ग्राम पंचायत माशू के वार्ड नम्बर दो में ग्राम पंचायत सदस्य के पद के लिये निर्वाचन होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नामांकन पत्र अभ्यर्थी अथवा उसके प्रस्थापक द्वारा 18,19 तथा 20 अक्तूबर, 2023 को प्रात: 11 बजे से सायं 3 बजे तक ग्राम पंचायत मुख्यालय में सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करवाए जा सकेंगे। प्रस्तुत किये गए नामांकन पत्रों की संविक्षा 21 अक्तूबर को प्रात: 10 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थिता वापिस लेने के नोटिस अभ्यर्थी द्वारा लिखित रूप में प्राधिकृत प्रस्थापक द्वारा 25 अक्तूबर को प्रात: 10 बजे से शाम 3 बजे तक परिदत किये जा सकेंगे। अभ्यर्थिता वापिस लेने के लिये निर्धारित समय के अवसान के तुरंत पश्चात निर्वाचन प्रतीत आबंटित किये जाएगें तथा निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों के नामों की सूची अपने आने कार्यालय के सूचना पटल पर चस्पान की जाएगी। सुमित खिमटा ने कहा कि निर्वाचन करवाए जाने की स्थिति में मतदान 5 नवंबरको प्रात: 8 बजे से सायं 4 बजे तक होगा।
-ट्रैकिंग, सफाई अभियान व ब्लड डोनेशन कैंप का होगा आयोजन हिमाचल प्रदेश फिटनेस ट्रेकर ग्रुप (एफटीजी) ने शिमला नगर में एक आदर्श और उभरता हुआ नाम बनाया है। हाल ही में 4 अक्टूबर को एफटीजी ने फ्रेंडशिप पीक 5289 मीटर का सफलतापूर्वक फतेह किया है, जिससे हमारे आदर्श और ध्यान देने योग्य प्राकृतिक सौंदर्य के प्रति नई ऊर्जा की ओर कदम बढ़ाया गया है। अब यह शिमला में सफाई अभियान व रक्तदान शिविर लगाएंगे। एफटीजी ने पिछले कुछ वर्षों में ब्लैक पीक, हमप्ता पास, सार पास, पिन भाभा पास, चुड़धार, बिजली महादेव, शिकारी देवी जैसे खूबसूरत स्थलों पर ट्रेकिंग की है और इसके साथ ही पौधरोपण का भी समर्थन किया है, जिससे हमारे प्राकृतिक संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। यह सफलता न केवल प्राकृतिक सौंदर्य की महत्वपूर्ण दरबार को छूने का सबूत है, बल्कि यह भी हमें यह सिखाता है कि साथ में कठिनाइयों का सामना करने के साथ-साथ टीम क्षमता को हासिल कर सकती है। फिटनेस ट्रेकर ग्रुप को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और समर्थन मिल रहा है। इस अद्भुत कदम के साथ हम सभी को प्राकृतिक सौंदर्य की सदय सौगात की तरह हमें यहां से और भी नजदीक जाने का अवसर प्राप्त हो रहा है। वहीं फिटनेस ट्रैकर ग्रुप के पदाधिकारियों का कहना है कि भविष्य मे ग्रुप हिमाचल की सबसे ऊंची छोटी रिओ पारगिल की चढ़ाई करेंगे। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना व ट्रैकिंग, सफाई व ब्लड डोनेशन जैसे सामाजिक कार्यों कि तरफ आकर्षित करना है।
लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भी मंथन शुरू कर दिया है। सोमवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस बैठक में शामिल हुए। बैठक में लोकसभा चुनाव पर भी चर्चा की गई। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों को फील्ड में भेजकर जनता की टोह लेने को कह दिया है। राज्य में लोकसभा की चार सीटें हैं। इनमें से मात्र मंडी संसदीय सीट ही कांग्रेस के पास है। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव का जिम्मा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर रहेगा। ऐसे में उनके लिए यह चुनाव चुनौती से कम नहीं होगा। केंद्र में भाजपा की सरकार है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस पार्टी सुक्खू सरकार की ओर से लिए गए जनहित के फैसलों पर चुनाव लड़ेगी। हिमाचल प्रदेश में आपदा भी अहम मुद्दा रहेगा। केंद्र सरकार की ओर से अब तक हिमाचल प्रदेश के लिए आपदा राहत राशि जारी नहीं हुई है। सुक्खू सरकार ने 4500 करोड़ रुपये की आपदा राहत राशि की घोषणा की है।
भारतीय डाक विभाग द्वारा 9 से 13 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। यह जानकारी अधीक्षक डाकघर सोलन राम देव पाठक ने दी। राम देव पाठक ने कहा कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह का उद्देश्य लोगों और व्यवसायों के दैनिक जीवन, वैश्विक, सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान के बारे लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सोलन डाक मंडल में राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान 10 अक्तूबर को वित्तीय सशक्तिकरण दिवस, 11 अक्तूबर को फिलेटली दिवस (डाक-टिकट संग्रहण), 12 अक्तूबर को मेल एवं पार्सल दिवस तथा 13 अक्तूबर को अंत्योदय दिवस मनाया जाएगा।
जिला स्तरीय अंडर-19 बॉयज खेलकूद प्रतियोगिता का समापन बीते शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोनिया दीदग में हुआ, जिसमें जिला भर से आए सभी शिक्षा खंडों के स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। संगडाह जोन की कबड्डी टीम का नेतृत्व कर रहे सुमीत को माध्यमिक विद्यालय सोनिया दीदग में हुई खेलकूद प्रतियोगिता में कबड्डी में बेस्ट प्लेयर का खिताब मिला है। सुमीत संगड़ाह उपमंडल के तहतआने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडवाच में बाहरवीं कक्षा का छात्र है। इस स्कूल में पीटीआई और डीपीई नहीं है फिर से छात्र के लिए यह सफलता मिलना कम नहीं है। अब सुमीत अंडर 19 बॉयज राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेगा। इस छात्र की हर कोई तरीफ कर रहा है। मंडवाच स्कूल के प्रधानाचार्य सीता राम ने राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता जो जिला शिमला के रोहडू में आयोजित होनी है क लिए उसे शुभकामनाएं दी हैं।
19वें हिमाचल उत्सव के दौरान आयोजित इंटर स्कूल डांस कंपटीशन के विजेताओं को उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जबकि निर्णायक मंडल में जानी-मानी रंगकर्मी कुमारी सुनीता व मंजू भारद्वाज शामिल रहीं। उत्सव के पहले दिन आयोजित फोक डांस प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में यूरो किड्स प्ले स्कूल ने पहला व बीएल स्कूल ने दूसरा पुरस्कार जीता। जूनियर वर्ग में बीएल स्कूल, टैगोर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल व जीनियस ग्लोबल प्ले स्कूल क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे, जबकि सीनियर कैटेगरी में दयानंद आदर्श विद्यालय प्रथम, बीएल स्कूल द्वितीय व जीनियस ग्लोबल प्ले स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। सरस्वती विद्या निकेतन स्कूल को सांत्वना पुरस्कार मिला। इसके अलावा धार्मिक प्रस्तुतियों में बीएल स्कूल की शिव स्तुति को प्रथम व सोलन पब्लिक स्कूल की नाग लोक को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। दूसरे दिन आयोजित वेस्टर्न कैटेगरी के सब जूनियर वर्ग में सोलन पब्लिक स्कूल को पहला, यूरो किड्स प्ले स्कूल को दूसरा और बीएल स्कूल को तीसरा स्थान मिला, जबकि जूनियर वर्ग में गुरुकुल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल पहले, जीनियस ग्लोबल प्ले स्कूल दूसरे व बीएल स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। सीनियर वर्ग में साईं इंटरनेशनल स्कूल व जीनियस ग्लोबल प्ले स्कूल संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहे। बीएल स्कूल को द्वितीय और गीता आदर्श विद्यालय व दयानंद आदर्श विद्यालय को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल हुआ। हिमाचल उत्सव के तीसरे दिन देशभक्ति थीम पर आधारित नृत्य प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में यूरो किड्स प्ले स्कूल को पहला स्थान मिला, जबकि सोलन पब्लिक स्कूल दूसरे और जीनियस ग्लोबल प्ले स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। सीनियर वर्ग में बीएल स्कूल ने पहला और जीनियस ग्लोबल प्ले स्कूल ने द्वितीय स्थान अर्जित किया। इसके अलावा सीनियर वर्ग में गीता आदर्श विद्यालय प्रथम, बीएल स्कूल द्वितीय व दयानंद आदर्श विद्यालय तृतीय स्थान पर रहा।
शिक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा विशेष रूप से सक्षम विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से तीन छात्रवृत्तियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि कक्षा नौंवी तथा दसवीं के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति तथा कक्षा 11वीं से स्नातकोत्तर के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति तथा उच्च श्रेणी स्नातक, स्नातकोत्तर डिग्री व डिप्लोमा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इन छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर पंजीकरण प्रथम अक्तूबर से आरंभ हो गया है। इन छात्रवृत्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी वेबसाईट अथवा राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध है। प्रवक्ता ने बताया कि प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए पोर्टल पर पंजीकरण और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर तथा पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 31 दिसंबर निर्धारित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डा निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिला में पंचायती राज संस्थाओं की रिक्त सीटों के लिए 18, 19 और 20 अक्तूबर को प्रात: 11 से सायं 3 बजे तक निर्दिष्ट स्थान पर रिर्टनिंग आफिसर द्वारा नियुक्त अधिकारी के समक्ष प्रधान, उप प्रधान व पंचायत सदस्य के लिए नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि 18 अक्तूबर अथवा उससे पहले मतदान केंद्र की सूची प्रकाशित की जायेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी डा निपुण जिंदल ने बताया कि 21 अक्तूबर को सुबह 10 बजे नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। 25 अक्तूबर को सायं 3 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापिस ले सकते हैं। इसके तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह जारी कर दिए जाएंगे। 5 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वोटिंग सुबह 8 बजे से सायं 4 बजे तक होगी। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद प्रधान, उप प्रधान और पंचायत सदस्य के पदों के लिए मतों की गिनती संबंधित पंचायत मुख्यालय पर होगी और प्रक्रिया पूर्ण होते ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे । राज्य चुनाव आयोग द्वारा चुनावों की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रधान, उप प्रधान तथा पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के चुनाव को लेकर संबंधित ग्राम पंचायत में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू रहेगी।
उप मंडल स्तरीय अंडर-12 पुरुष व महिला वर्ग सांस्कृतिक प्रतियोगिता राजकीय प्राथमिक पाठशाला लोधवां में आयोजित हुई, जिसमें क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। विधायक के साथ प्रदेश महासचिव कांग्रेस कमल किशोर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया, ब्लॉक अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया, बीडीसी जसवीर कटोच, मनोहर पिंकी सहित अन्य गणमान्यों को आयोजक समिति द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा के 6 शिक्षा खंडों के 180 प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर खूब वाहवाही लूटी। प्रतियोगिताओं में भाषण में इंदौरा की कामिनी प्रथम, फतेहपुर की माही द्वितीय, एकल गान में राजा का तालाब की दिया व साथी प्रथम व ज्वाली की अंजली व साथी द्वितीय स्थान पर रहे तो वहीं समूह गान में राजा का तालाब की आराध्या व साथी तथा ज्वाली की शानवी व साथी क्रमश: प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त एकांकी में इंदौरा की रिषभ व साथी प्रथम व राजा का तालाब की आराध्या व साथी दूसरे स्थान पर रहे, जबकि लोक नृत्य में फतेहपुर की माधवी व साथी प्रथम व इंदौरा की मानवी व साथी द्वितीय स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपने अपने शिक्षा खंडों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सोलन जिला में विभिन्न निजी उद्योगों में 76 पदों को भरने के लिए 17 अक्तूबर को उप रोजगार कार्यालय नालागढ़ में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने दी। संदीप ठाकुर ने कहा कि इन पदों में मैसर्ज टॉरेन्ट फार्मास्यूटिकल बद्दी में 10 पद, मैसज़र् औग्ज़ेलिस लैब बद्दी में 42 पद, मैसज़र् रैकिट बैंकिंज़र हेल्थकेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटिड बद्दी में 9 पद तथा मैसर्ज अनुस्पा हेरिटैज प्रोडक्ट प्राईवेट लिमिटिड परवाणु में 15 पद पर भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए उम्मीदवार की आयु 20 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उक्त पदों की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक विभागीय पोर्टल पर लॉग इन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर है। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता संबंधी सभी अनिवार्य प्रमाण पत्र व दस्तावेज़ सहित उप रोजगार कार्यालय नालागढ़ में 17 अक्तूबर को प्रात: 10.30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते है। कैंपस इंटरव्यू से संबन्धित अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-227242, 78768-26291 तथा 70189-18595 पर संपर्क कर सकते हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 10 अक्तूबर को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। डॉ. शांडिल प्रात: 11.45 बजे सोलन ज़िला के मंझोल (क्यारी बंगलो) में उत्कृष्ट केन्द्र के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। तदोपरांत दिन में 1.15 बजे सोलन ज़िला के कशाउला (अश्वनी खड्ड) में डीडीएल फैक्ट्री से चौरा मार्ग पर अश्वनी खड्ड पर निर्मित किए जाने वाले पुल के स्थान का निरीक्षण करेंगे।
हिमाचल के सबसे बड़े गैर सरकारी मेले हिमाचल उत्सव के 19वें संस्करण में जानेमाने रोबोटिक सर्जन डॉ. विवेक बिंदल को हिमाचल गौरव अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। सोलन के निवासी और पूर्व मंत्री राजीव बिंदल के बेटे डॉ. विवेक बिंदल हिंदुस्तान के अग्रणी रोबोटिक विशेषज्ञों में शुमार हैं। साल 2003 में हिमाचल पीएमटी में टाप करने के बाद विवेक बिंदल ने मौलाना अबुल कलाम आजाद मेडिकल कॉलेज से अपनी पढ़ाई करने के बाद सर गंगाराम अस्पताल और उसके बाद अमेरिका जाकर रोबोटिक सर्जरी में सुपर स्पेशलाइजेशन हासिल की। वर्तमान में दिल्ली के मैक्स हेल्थकेयर में रोबोटिक सर्जरी के विभाग में डायरेक्टर और हेड आफ डिपार्टमेंट के तौर पर कार्यरत हैं। वर्तमान में डा. बिंदल देश की कई नेशनल और इंटरनेशल प्रोफेशनल सोसायटीस में लीडरशीप पोजिशन पर हैं और अब तक उनके 50 से ज्यादा रिसर्च पेपर प्रतिश्ठित इंटरनेशनल मेउिकल जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। कई प्रथम अपने खाते में दर्ज करने वाले डा विवेक बिंदल को सबसे कम उम्र के बच्चे की बैरियेटिक सर्जरी करने का श्रेय प्राप्त है। उनके द्धारा आईजीएमसी में की गई बैरियेटिक सर्जरी को आडिटोरियम में बैठे 200 से ज्यादा विशेषज्ञों ने लाईव देखा। डायनामिक इंडिया युवा मंडल द्धारा हिमाचल गौरव सम्मान देने के समय हजारों दर्शकों ने तालियां बजा कर डा बिंदल का जोरदार अभिवादन किया।
-पंचायती राज, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने की घोषणा हिमाचल के सबसे बड़े गैर सरकारी मेले 8 दिवसीय हिमाचल उत्सव का 19वां संस्करण रविवार को धूमधाम से संपन्न हो गया। प्रदेश सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के प्रतिनिधि के तौर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए हिमाचल उत्सव की लोकप्रियता की जमकर सराहना की। उन्होंने हिमाचल उत्सव को पहले जिला स्तरीय और फिर राज्य स्तरीय मेला घोषित करने का भी एलान किया। संध्या में मंत्री अनिरुद्ध सिंह के साथ विशिष्ठ मेहमान के तौर पर कसौली के लोकप्रिय विधायक विनोद सुल्तानपुरी भी मौजूद थे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिव कुमार, युवा मंडल के संरक्षक जगमोहन मल्होत्रा सहित नेता सरदार सिंह ठाकुर और नगर निगम के पार्षद भी मौजूद थे। आठवीं संध्या में युवा मंडल के संस्थापक उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा एडवोकेट ने मुख्यमंत्री को डेडिकेट करते हुए मुख्यमंत्री का पसंदीदा राज कपूर का गाना जीना यहां मरना यहां सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। शौकिया गायक के रूप में हिमाचल उत्सव में अपनी प्रस्तुति से मुकेश ने मेहमानों सहित आये दर्शकों का दिल जीत लिया। आयोजन और प्रबंधन के साथ साथ मुकेश की गायकी की क्षमता देख मुख्य अतिथि भी बहुत प्रभावित हुए।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन ज़िला के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायती राज संस्थाओं के आयोजित होने वाले उप निर्वाचन के लिए समयसारिणी जारी कर दी गई है। यह जानकारी ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि विकास खण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायत संघोई के वार्ड नम्बर 05 मलावण तथा ग्राम पंचायत सानन के वार्ड नम्बर 04 ब्रागिया, विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत आंजी मातला वार्ड नंबर 1 रड़ौ पंैद, विकास खण्ड कण्डाघाट की ग्राम पंचायत सतड़ोल के वार्ड नंबर 1 कांशीपटा तथा ग्राम पंचायत छावशा के वार्ड नंबर 04 पाडली, विकास खण्ड नालागढ़ की पंचायत समिति के वार्ड नंबर 26 खेड़ा, ग्राम पंचायत बारियां में प्रधान पद, ग्राम पंचायत मलहैणी में उप प्रधान पद, ग्राम पंचायत बरूणा के वार्ड नंबर 5 धरोटी तथा वार्ड नंबर 8 कोटला कलां और ग्राम पंचायत किश्नपुरा के वार्ड नम्बर 08 किश्नपुरा-3 में नामांकन पत्र 18, 19 व 20 अक्तूबर को प्रात: 11.00 बजे से सांय 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम, 1994 के नियम-30 में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए पंचायत समिति नालागढ़ के उप निर्वाचन के लिए तहसीलदार नालागढ़ को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करने के आदेश जारी किए हंै। उन्होंने सोलन विकास खंड के अतिरिक्त संबंधित विकास खंडों में होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के उप निर्वाचन के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। आदेशों के अनुसार इन निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार उप निर्वाचन के लिए अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करने का अधिकार दिया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज बताया कि दिल्ली सरकार ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन से आई आपदा से निपटने के लिए प्रदेश सरकार को 10 करोड़ रुपये की सहायता राशि आपदा राहत कोष-2023 के लिए प्रदान की है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सहायता राशि प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहायता राशि आपदा की इस घड़ी में प्रभावितों को मदद प्रदान करने में कारगर साबित होगी। उन्होंने आम जनता से इस कोष में अधिक से अधिक अंशदान का आग्रह किया है ताकि प्रभावितों को हरसंभव मदद प्रदान की जा सके।
-बॉलिंग कोच बोले, पिछले मैच में शानदार रही स्पिन बॉलिंग -अगर कल तेज गेंदबाजों की जरूरत होगी तो उन्हें भी मैदान में उतारेंगे आईसीसी वर्ल्ड कप में धर्मशाला स्टेडियम में पहला मुकाबला जीतने के बाद बांग्लादेश टीम के स्पिन बॉलिंग कोच रंगना हैरात ने कहा कि धर्मशाला आउटफील्ड को देखते हुए पहले मैच की तर्ज पर खेलेंगे। उन्होंने कहा कि आईसीसी की ओर से आउटफील्ड को लेकर चाहे जो भी कमेंट किया गया है, हम पहले मैच की तरह ही खेलेंगे। उन्होंने कहा कि पहले मैच में पिच के अनुसार ही स्पिनर गेंदबाजों का प्रयोग किया गया। कोच ने कहा कि बांग्लादेश टीम में अगर तेज गेंदबाजों की जरूरत होगी तो प्लान के तहत उन्हें मैदान में उतारा जाएगा। विश्व कप के अन्य मुकाबले भी हम देख रहे हैं, जिसमें अलग-अलग रिजल्ट देखने को मिल रहे हैं, हम भी अपने आगामी मैचों के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि स्पिन बॉलिंग ने पिछले मैच में बेहतरीन खेल दिखाया है, जिससे पूरी टीम बहुत खुश है। हैरात ने कहा कि अधिक बारिश के कारण आउटफील्ड में कमियां बताई जा रही हैं, लेकिन हम १०० मैदान में उतरते हैं तो इसमें कोई कमी नहीं रहती है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश के साथ-साथ सोलन जिला के उप चुनाव वाले क्षेत्रों में पंचायती राज उप निर्वाचन के दृष्टिगत आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। यह जानकारी ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। मनमोहन शर्मा ने कहा कि सोलन ज़िला में कुनिहार विकास खंड की ग्राम पंचायत संघोई के वार्ड नंबर 5 तथा ग्राम पचंायत सानन के वार्ड नंबर 4, विकास खण्ड कण्डाघाट की ग्राम पंचायत सतड़ोल के वार्ड नंबर 1 तथा ग्राम पंचायत छावशा के वार्ड नंबर 4, विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत आंजी मातला के वार्ड नंबर 1 एवं विकास खण्ड नालागढ़ की ग्राम पंचायत बरूणा के वार्ड नंबर 5 व 8, ग्राम पंचायत किश्नपुरा के वार्ड नंबर 8, ग्राम पंचायत बारियां, ग्राम पंचायत मलहैणी और पंचायत समिति नालागढ़ के वार्ड नंबर 26 खेड़ा में उप चुनाव होना है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने सभी संबंधित उपमंडलाधिकारियों, तहसीदारों और खंड विकास अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा इस संबंध में जारी अधिसूचना के अनुरूप अधिसूचित आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए हैं।
19वें हिमाचल उत्सव में सोलन के एसपी और आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह को हिमाचल रक्षक अवार्ड से सम्मानित किया गया। गौरव सिंह और उनकी पुलिस कर्मियों की टीम को ये अवार्ड हजारों दर्शकों की मौजूदगी में राज्य के पंचायती राज व ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने प्रदान किया किया। उल्लेखनीय है कि पिछले तीन महीनों के दौरान गौरव सिंह के सोलन पुलिस कप्तान का कार्यभार संभालने के बाद चिट्टा और नशा माफिया पर नकेल कसते हुए 32 केस दर्ज किए गए और बाहरी राज्यों के 32 सप्लायर को गिरफ्तार कर सप्लाई चेन को पूरी तरह काट दिया। अब तक केवल छोटी मछलियों को पकड़े जाने की खबरे आती थीं लेकिन गौरव सिंह ने नशे को जड़ से उखाड़ने के लिए अपनी रणनीति में बडे सप्लायरों को पकड़ कर नशे की सप्लाई ही खत्म करने का काम किया। गौरव सिंह के नेतृत्व में अब तक सोलन पुलिस ने 6 बड़े ड्रग नेटवर्क पूरी तरह खत्म कर दिए हैं। इस दौरान केवल 3 महीनों में ही इस टीम ने 400 ग्राम से ज्यादा चिटटा, 5 किलो से ज्यादा अफीम, 3 किलो से ज्यादा चरस, 11 किलों पापी हस्क और मेथ भी जब्त की। हिमाचल उत्सव के मंच पर जब एसी गौरव सिंह और उनकी टीम को सम्मानित किया गया तो हजारों दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाई और पुलिस टीम का जबरदस्त अभिवादन किया। गौरव सिंह की टीम में सब इंस्पेक्टर ज्ञान चांद, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, वीरेंद्र सिंह , शुभम कुमार , राजेश कुमार, भीम सिंह , सहित कांस्टेबल अजय कुमार, हेमंत कुमार, पुनीत कुमार, नवीन कुमार, श्रीमती रीना कुमारी शामिल हैं।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश में मनाए जाने वाले मेले, उत्सव एवं त्यौहार समृद्ध संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण हैं। अनिरुद्ध सिंह गत देर सायं सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में 19वें हिमाचल उत्सव के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को इस कार्यक्रम के समापन में स्वयं आना था किन्तु अत्यंत आवश्यक कार्य के कारण वह नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि वह समापन समारोह में मुख्यमंत्री की ओर से उपस्थित हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री तथा अपनी ओर से हिमाचल उत्सव के आयोजकों को बधाई देते हुए आशा जताई कि यह उत्सव भविष्य में हिमाचली प्रतिभाओं को कला प्रदर्शन का और बेहतर मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि हमारी समृद्ध संस्कृति हमारी पहचान है और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति को संरक्षित रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल उत्सव के आयोजकों की इस उत्सव को ज़िला स्तरीय करने की मांग के अनुरूप मामला उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से डायनामिक इंडिया युवा मण्डल को एक लाख रुपए उपलब्ध करवाने की घोषणा की। अनिरुद्ध सिंह ने इस अवसर पर डायनामिक इंडिया युवा मण्डल की ओर से सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और उनकी टीम को मादक द्रव्यों के विरुद्ध सतत् कार्यवाही के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर डायनामिक इंडिया युवा मण्डल सोलन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपए का चैक ग्रामीण विकास मंत्री को भेंट किया।
-दिल्ली की दो मेकअप आर्टिस्ट ने 100 महिलाओं को दी ब्यूटी ट्रेनिंग -हजारों रुपये के ब्यूटी प्रोडक्ट भी नि:शुल्क प्रदान किए केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में 7 और 8 अक्टूबर को श्री नैना देवी की कचौली और कोठीपुरा पंचायतों में दो दिवसीय मेकअप मास्टर क्लास का आयोजन किया गया। अनुराग ठाकुर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मेकअप आर्टिस्ट बनने की नि:शुल्क ट्रेनिंग दिलवा रहे हैं और साथ ही हजारों रुपये के ब्यूटी प्रोडक्ट भी नि:शुल्क प्रदान कर रहे हैं। संस्था के संयोजक मितेश कौशल ने बताया कि श्री नैना देवी में 7 और 8 अक्टूबर को हुई मेकअप मास्टर क्लास में दिल्ली की दो प्रख्यात मॉडल द्वारा 100 महिलाओं का प्रशिक्षण दिया गया। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने पर सभी महलिओं को सर्टिफिकेट भी दिए गए। महिलाएं ट्रेनिंग का सही लाभ उठा सकें, इसके लिए हजारों के ब्यूटी प्रोडक्ट एवं किट प्रत्येक महिला को निशुल्क दिए गए। अभी तक संसदीय क्षेत्र की लगभग 4000 महिलाएं यह प्रशिक्षण ले चुकी हैं, जिनमें से बहुत सी महिलाएं गांव स्तर पर अपना निजी व्यवसाय शुरू कर चुकी हैं, अपना ब्यूटी पार्लर चला रही हैं और बड़े शहरों के मेकअप स्टूडियो में भी कार्य कर रही हैं। संस्था के संजोयक मितेश कौशल ने आगे जानकारी दी कि अनुराग ठाकुर इसी तरह क्षेत्र वासियों को रोजगार-स्वरोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध करवा रहे हैं। किसानों को औषधीय मशरूम की ट्रेनिंग देकर, बायबैक भी करवाया जा रहा है। अनुराग के सहयोग से हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से औषधीय मशरूम गांव से ही खरीद लिया जाता है। और अनुराग ठाकुर की पहल एक से श्रेष्ठ के माध्यम से पंचायतों मे ग्रेजुएट को रोजगार भी मिल रहा है। एक से श्रेष्ठ केंद्रों मे स्थानीय लोगों का ही चयन कर बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दी जा रही है।
बुशहर छात्र कल्याण संघ के छात्र एवं छात्राएं आज लोक निर्माण एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह एवं रामपुर बुशहर के स्थानीय विधायक नंद लाल से उनके निजी आवास में जाकर मिले। इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की गई। लोक निर्माण मंत्री तथा विधायक नंद लाल ने बुशहर छात्र कल्याण संघ के सभी चुने हुई पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और एकता का मार्ग अपनाकर जनकल्याण कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर छात्र कल्याण संघ के चेयरमैन कुलदीप वर्मा, प्रधान चंदन महाजन, महासचिव शालू नेगी, कोषाध्यक्ष अशोक पालसरा, उपाध्यक्ष अभिनय चौहान, सचिव सुमित शर्मा एवं अन्य सभी पदाधिकारी और सदस्य आदि मौजूद रहे।
पुलिस थाना फतेहपुर के तहत पड़ती पंचायत बाड़ी के गांव दियाल की महिला पूजा देवी बुधवार से घर से लापता थी। सोमवार को उसका शव जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर कैलबड (धमेटा) में सड़क के किनारे पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले भारी संख्या में घटना स्थल पर पहुंच कर सड़क मार्ग के बीच बैठ गए और न्याय की गुहार लगाने लगे। वहीं किसी भी अनहोनी की शंका के चलते भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने में जुट गया, जबकि शव कब्जे में ले लिया है। वहीं लापता महिला के ससुराल पक्ष का कहना है कि लापता हुई पूजा देवी बुधवार सुबह से ही घर में किसी को भी बताए बिना कहीं चली गई थी। उसके बच्चे भी घर में ही थे। उन्हें भी अपनी मां का कुछ अता-पता नहीं था।
-पिच के हिसाब से बेहतर कॉम्बिनेशन के साथ मैदान में उतरेंगे -कहा, किसी भी टीम को नहीं आंक सकते कम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में कल होने वाले इंग्लैंड-बांग्लादेश के मैच से पूर्व इंग्लिश टीम के कैप्टन जोस बटलर ने प्रेस वार्ता में कहा कि धर्मशाला के मैदान व पिच में पिछले दो दिनों में काफी अभ्यास किया है। हम पहले मैच में हार चुके हैं, लेकिन आगामी मैचों के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। बटलर ने कहा कि धर्मशाला मैदान व आउट फील्ड को लेकर काफी बातें हो रही हैं, लेकिन हम पूरी तरह से तैयार हैं। इंजरी भी मैच का हिस्सा हंै, ये होती रहती हंै। लेकिन धर्मशाला की पिच अच्छी है, तेज है, स्विंग भी मिलती है यहां। यहां हमें आईपीएल मैच खेलने का अनुभव भी है। टीम के काफी खिलाड़ियों ने यहां आईपीएल मैच खेले हैं। ऐसे में हम अपनी टीम के बेहतर कॉम्बिनेशन के साथ मैदान में उतरेंगे। कैप्टन ने कहा कि बांग्लादेश की टीम भी बहुत अच्छा खेल रही है। हम किसी भी टीम को कम नहीं आंक सकते। बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने पिछले मैच से स्पिन में बेहतर खेल दिखाया है।
-स्कूल पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत, मिला सम्मान बीएल सेेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार ने ब्लॉक अर्की के अंतर्गत आयोजित किए गए बाल विज्ञान सम्मलेन में अपना दबदबा कायम रखा। विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक उप शिक्षा निदेशक सोलन के मागदर्शन में सम्मेलन का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट में 16 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक किया गया था । इसमें खंड अर्की के 89 विद्यालयों से 609 छात्रों ने इस भाग लिया। उन्होंने बताया कि विद्यालय से 13 बच्चों वंशिका, नव्या, अविका, केशव, कशिश, भव्या, समीक्षा, मन्नत, सुहानी, अन्वी, याशिका, उत्कर्ष, वरुण ने इस सम्मेलन में भाग लिया। विज्ञान अध्यापिका ज्योतिका शर्मा ने बताया कि प्रश्नोत्तरी में कनिष्ठ वर्ग में नव्या व वंशिका ने दूसरा स्थान एवं वरिष्ठ वर्ग में केशव व अविका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग बिज्ञान एक्टिविटी कॉर्नर मे सुहानी ने दूसरा स्थान, मॉडल में अन्वी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सुहानी व अन्वी का चयन जिला स्तर के बाल विज्ञान सम्मेलन के लिए हुआ है। विद्यालय आने पर इन सभी छात्रों को और विज्ञान टीचर्स ज्योतिका शर्मा, शिवानी ठाकुर, गुरदेव, ह्रदया शर्मा, दीपिका, सुमन, भावना शर्मा को विद्यालय अध्यक्ष ने सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि इन बच्चों ने ट्रॉफी जीत कर स्कूल और कुनिहार का नाम जिला सोलन में रोशन किया है। विद्यालय अध्यक्ष ने सभी छात्रों को उनकी उपलब्धिके लिए बधाई दी। विद्यालय अध्यक्ष और अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष ने प्रधानाचार्या पुर्शोतम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, सभी अध्यापाकों, बच्चों के अभिभावकों को और विजेता बच्चों को बधाई दी है।
कुल्लू जिले की पहाड़ियों पर सोमवार सुबह 2.8 तीव्रता वाला हल्का भूकंप आया। जानकारी देते हुए मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के प्रवक्ता ने कहा कि कुल्लू जिले के कुछ हिस्सों में सुबह 7 बजकर 18 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसका केंद्र 31.46 अक्षांश, 77.64 के देशांतर और पांच किलोमीटर की गहराई में था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.8 मापी गई। भूकंप में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। इसे स्थानीय लोगों ने महसूस किया, क्योंकि भूकंप का केंद्र मानव निवास स्थल के समीप था।
-मुख्यमंत्री ने बिशप काटन स्कूल में विजेता आईएएस-इलेवन को किया सम्मानित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला के बिशप काटन स्कूल में आईएएस-इलेवन और आईपीएस-इलेवन के बीच टी-20 क्रिकेट मैच का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल व्यस्त जीवन के तनाव से मुक्ति दिलाने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहिए। खेल गतिविधियां युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखती हैं। खेल गतिविधियां व्यक्ति के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन जैसे मूल्यवान गुण भी विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हिमाचल के खिलाड़ियों और एथलीटों की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश के युवा प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने मैच की विजेता टीम आईएएस-इलेवन को ट्राफी से भी सम्मानित किया और पुरस्कार भी वितरित किये। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आबिद हुसैन सादिक को मैन-आफ-द-मैच की ट्रॉफी भी दी। उन्होंने शानदार 82 रन बनाए और अपनी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण विकेट भी लिया। आईपीएस-इलेवन के विवेक चहल को उनके उत्कृष्ट 59 रन की पारी के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया, जबकि आईएएस-इलेवन के अपूर्व देवगन को शानदार गेंदबाजी के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज की ट्राफी से सम्मानित किया गया। आईएएस-इलेवन के लिए सुमित किमटा ने 35 रन बनाए, जबकि विवेक भाटिया ने 32 रन का योगदान दिया। आईपीएस-इलेवन टीम के लिए शालिनी अग्निहोत्री ने 2 महत्वपूर्ण विकेट लिए, जबकि अशोक रतन 47 रनों के साथ आईपीएस-इलेवन के लिए दूसरे शीर्ष स्कोरर रहे, लेकिन 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आईपीएस-इलेवन 167 रन ही बना सकी। मैच से पूर्व अभ्यास में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बीसीएस के निदेशक साइमन वीले ने गेंदबाजी की। मैच का संचालन बीसीएस खेल शिक्षक तथा क्रिकेट कोच लोकपाल ठाकुर और अमोद तलवलकर ने अंपायर की भूमिका निभाई। इस अवसर पर बीसीएस विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट संगीत प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा और सुरिंदर काकू, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, बीसीएस स्कूल के हेडमास्टर मैथ्यू पी. जान और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
सिरमौर जिला के उप मंडल मुख्यालय संगड़ाह में शनिवार सायं 6 से रविवार सायं करीब 3 बजे तक लगातार 21 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान संगड़ाह कस्बे में वोल्टेज इतनी कम रही कि, टीवी, कंप्यूटर, पंखे व हीटर जैसे लगभग सभी उपकरण बंद रहे। साथ लगते कुछ बिजली घंटों गुल रही। गत वर्ष करीब 7 करोड़ की लागत से तैयार 33 केवी सबस्टेशन संगड़ाह की चाढ़ना मेन लाइन जहां पिछले 7 माह से बंद पड़ी है, वहीं 33केवी लाइन ददाहू भी करीब 3 महीने से बंद पड़ी है। तब से 11केवी लाइन से काम चलाया जा रहा है और बार-बार अघोषित पावर कट लग रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस अथवा सुक्खू सरकार के सत्ता में आने के बाद संगड़ाह में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता व अधिशासी अभियंता कार्यालय को बंद करवाया जाना व स्टाफ की भारी कमी भी यहां बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने के मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। शुक्रवार को हुई विद्युत कर्मचारी संघ की संगड़ाह इकाई की बैठक में भी खाली पदों को लेकर चर्चा की गई। अधिशासी अभियंता नाहन राहुल राणा ने कहा कि, उन्हे आज ही बिजली गुल रहने का सूचना मिली और अब लाइन को दुरुस्त किया जा चुका है।
पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य में अनाथ एवं अन्य वंचित वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि निराश्रित बच्चों को लघु एवं सूक्ष्म उद्योग की स्थापना के लिए 2 लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा ताकि वे स्वरोजगार के लिए प्रेरित हो सकें। उन्होंने कहा कि विभिन्न वित्तीय चुनौतियों और और हाल ही में आई आपदा के बावजूद प्रदेश सरकार ने सुखाश्रय योजना को आरंभ करने का अपना संकल्प पूरा किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल अनाथ बच्चों एवं अन्य वंचित वर्गों की मदद के लिए कानून बनाकर यह योजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया। उन्होंने कहा कि सुख आश्रय योजना के अंतर्गत नए चिन्हित किए गए लगभग 2700 अनाथ बच्चे, जो कि अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहे हैं, उन्हें भी 27 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक 4000 रुपये मासिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन बच्चों के संरक्षण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और इस योजना में मातृत्व देखभाल की आवश्यकता वाले प्रत्येक बच्चे के लिए एक परिचारिका का भी प्रावधान किया गया है और प्रत्येक बढ़ते तीन बच्चों के लिए एक मैट्रन का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि योजना के अन्तर्गत अनाथ बच्चों को वार्षिक आधार पर 15 दिवसीय अध्ययन भ्रमण करवाया जाएगा, जिस दौरान उन्हें तीन सितारा होटलों में ठहराने सहित उनकी हवाई यात्रा तथा अन्य व्यय प्रदेश सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चों को प्रदत्त यह अधिकार दया के रूप में नहीं अपितु एक कानून बनाकर उन्हें उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत लाभार्थियों को 10 हजार रुपये वस्त्र भत्ता, 500 रुपये उत्सव अनुदान और 2 लाख रुपये विवाह अनुदान का भी प्रावधान है। उच्च शिक्षा के लिए यह बच्चे एक लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता के लिए पात्र हैं और उन्हें 4000 रुपये प्रतिमाह जेब खर्च भी दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार का भूमिहीन अनाथ बच्चों को गृह निर्माण के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में तीन बिस्वा भूमि और शहरी क्षेत्रों में दो बिस्वा भूमि तथा तीन लाख रुपये की वित्तीय सहायता का भी प्रस्ताव है। इस पहल के द्वितीय चरण में 10वीं तथा 12वीं कक्षा के 268 बच्चों को लैपटॉप प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विधवा, एकल नारी और विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों सहित विभिन्न वंचित वर्गों को पैंशन और अपंगता राहत भत्ते की प्रक्रिया का सरलीकरण कर उन्हें आय सीमा में भी छूट प्रदान कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जातिगत जनगणना को सिर्फ घमंडिया विपक्ष की राजनीति बताते हुए कहा कि जिनका काम पहले बांटना था वह आज भी वही कर रहे हैं। न लोगों की फितरत बदलती है और न ही नीयत। देश में विकास और बात होनी चाहिए लेकिन विपक्ष का कोई भी नेता विकास की बात नहीं कर रहा है। सिर्फ लोगों को बांटने की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश को अगर आगे ले जाना है तो सिफ़र् विकास की बात करने की आवश्यकता है। गरीबों के कल्याण की आवश्यकता है। यह काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र बखूबी कर रहे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के सर्वमान्य नेता हैं और भारत ने उनके नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा हैं। यह सिलसिला आगे भी जारी रखना है, इसलिए भारत के लोग आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी को और बड़ा जनादेश देंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि आधुनिक भारत में बांटनें वाली विचारधारा नहीं चलेगी। देश की समस्या ग़रीबी है। इसलिए ग़रीबी को ख़त्म करने की आवश्यकता है। माफ़ियाराज और बिचौलियों को रास्ते से हटाकर सरकार की योजनाओं को सीधे आम आदमी से जोड़ने की ज़रूरत थी। जिससे दिल्ली से आम लोगों के लिए भेजा जाने वाला 100 पैसा पूरा का पूरा ज़रूरतमंदों तक पहुंचे न कि 85 पैसा बिचौलियों में ही रह जाए। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काम किया लाखों करोड़ रुपया हर साल आम आदमी के खाते में सीधे-सीधे पहुंचाया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि देश में इंफ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत बनाने और विकासात्मक कार्यों को गति देने की आवश्यकता है। भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी सरकार की आवश्यकता है, जिससे देश की पाई-पाई, देश के विकास में लगे न कि भ्रष्टाचार और परिवारवाद को पोषित करने में। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 साल के सेवाकाल में एक नए पैसे के भ्रष्टाचार का मामला सामने नहीं आया है जबकि इसके पहले की सरकारों में इस कदर भ्रष्टाचार हुआ कि शून्य कम पड़ गए। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज भारत दुनिया में तकनीकी, विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में जो विकास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल में हुआ वह 70 साल में नहीं हुआ। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश से ग़रीबी को ख़त्म करने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। उनकी इस मुहिम में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
- विधायक बोले, परगोड़ नगरेटा में बनेंगे सामुदायिक भवन धर्मशाला, मनेई, भरुपलाहड़, हारचक्कियां परगोड़, ठेहड़ तथा लपियाणा पंचायत में पेयजल की समस्या से निजात हेतु 3 करोड़ 35 लाख की कार्य योजना बनाई जा रही है, ताकि लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सके। यह जानकारी विधायक केवल पठानिया ने आज परगोड़ में जनता के द्वार कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने आपदा के दौरान पूर्णतया क्षतिग्रस्त घरों के मालिक को मिलने वाली राशि को 1लाख 30 हजार से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि आमजन को राजस्व मामलों में शीघ्र न्याय हेतु लैंड कानून में भी संशोधन किया गया है। अब निशानदेही, इंतकाल तथा तक्सीम जैसे मामलों में समय निर्धारित किया गया है और इससे आमजन को बहुत ज्यादा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कलरू रोड नजदीक वर्धन बस्ती से कैप्टन प्रेम सिंह के घर तक 500 मीटर रास्ता भी शीघ्र ही बना दिया जाएगा। नगरेटा में नाले पर एक पुली का निर्माण करवाया जाएगा तथा नरगेटा स्कूल पक्की सड़क के गाँव तक का रास्ता भी पक्का करवाया जाएगा ताकि गाँव वासियों को आने जाने में किसी भी तरह की असुविधा न हो। इसी गांव में वर्षाशालिका का निर्माण भी शीघ्र होगा। उन्होंने कहा कि लंज में फिल्टर चौंबर का निर्माण भी शीघ्र ही शुरू होगा ताकि आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की बस गुगलाड़ा -ज्वाली वया परगोड़ से मेडिकल कॉलेज टांडा तथा वापिस भी यहीं से चलाई जाएगी, ताकि मरीजों तथा उनके रिश्तेदारों को आने जाने में किसी तरह की असुविधा न हो । उन्होंने कहा कि परगोड़ तथा नगरेटा में चरणबद्व तरीके से सामुदायिक भवन तथा मोक्षधामों का निर्माण भी सुनिश्चित किया जाएगा तथा परगोड़ में नए हैंडपम्प भी स्थापित किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त परगोड़ वर्षाशालिका से बरुन्दियां बस्ती तक रास्ते पर टाइल डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि बरेटा-बेरिया सड़क का निर्माण भी उनकी प्राथमिकता है। परगोड़ पहुंचने पर केवल पठानिया का स्थानीय नागरिको द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
शूलिनी विश्वविद्यालय की वार्षिक अंतरविभागीय प्रतियोगिता मंचतंत्र को फार्मास्युटिकल विज्ञान संकाय ने जीता, जबकि लिबरल आर्ट्स, कानूनी विज्ञान संकाय दूसरे स्थान पर रहा। चार दिवसीय अंतरविभागीय प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। मंचतंत्र का अर्थ है जो विभागों को अपनी विविध प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच का प्रतीक है, इसमें फ्लैशमॉब, समूह नृत्य, लोक नृत्य, युगल गीत और कई अन्य गतिविधियों की एक रोमांचक श्रृंखला शामिल है। जाने-माने न्यायाधीशों ने निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रमों की अध्यक्षता की। फ्लैश मॉब के लिए पैनल में श्रीमती तरुणा मेहता और अरविंद नंदा शामिल थे। 5 से 7 अक्टूबर तक हुए मुख्य कार्यक्रमों में भारत की व्यापक थीम के तहत विभिन्न विभागों की विविध प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया गया। प्रत्येक दिन दो विभागों ने मंच संभाला, जिससे नृत्य, गायन, स्टैंड-अप कॉमेडी, फैशन शो, एंकरिंग के प्रदर्शन से दर्शक आश्चर्यचकित रह गए। मुख्य कार्यक्रम के निर्णायकों 2022 की फैशन आइकन आभा, संगीत में पीएचडी धारक और सा रे गा मा लिटिल चैंप्स के शीर्ष 30 में प्रतिभागी कुलदीप चंदेल, संगीत निर्माता कुंवर ठाकुर, 2013 में उत्तर भारत में सर्वश्रेष्ठ ड्रमर, कला संगम नामक नृत्य अकादमी के डीआईडी ??डांसर अश्विन प्रवण त्रिवेणी और शूलिनी विश्वविद्यालय में मुख्य शिक्षण अधिकारी श्रीमती आशू खोसला शामिल थे। । उत्साही प्रतियोगिता में कृषि और विज्ञान संकाय, इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संकाय, लिबरल आर्ट्स और कानूनी विज्ञान संकाय, फार्मास्युटिकल विज्ञान संकाय, एप्लाइड साइंसेज और बायोटेक संकाय, और प्रबंधन विज्ञान संकाय सहित सभी विश्वविद्यालय विभागों की भागीदारी देखी गई। प्रत्येक विभाग ने अलग-अलग विषयों पर कलात्मक प्रदर्शनों का प्रदर्शन किया। ग्रैंड फिनाले म फार्मास्युटिकल साइंसेज संकाय अपनी उल्लेखनीय प्रतिभा और समर्पण के लिए विजेता बनकर उभरा। लिबरल आर्ट्स और कानूनी विज्ञान संकाय ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। डीन स्टूडेंट वेलफेयर, श्रीमती पूनम नंदा ने कहा कि हर साल मंचतंत्र अगले मानक को बढ़ाता है, छात्र और संकाय जीतने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक रहते हैं। मंचतंत्र का आयोजन शूलिनी विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण के डीन और उनकी टीम द्वारा किया गया था, जिससे सभी प्रतिभागियों के लिए एक सहज और अविस्मरणीय अनुभव सुनिश्चित हुआ।
-10 अक्तूबर को बांग्लादेश टीम के साथ होगा मुकाबला -अहमदाबाद में हुए मैच में न्यूजीलैंड से हार गया था इंग्लैंड इंग्लैंड टीम के खिलाड़ियों ने रविवार दोपहर बाद करीब 2 बजे धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में पहुंचकर अभ्यास किया। इंग्लैंड के खिलाड़ी इससे पहले धर्मशाला के एक निजी होटल से कड़े सुरक्षा पहरे में धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे, जहां पर खिलाड़ियों ने पहले वॉर्म अप किया और उसके उपरांत नेट प्रेक्टिस में जुट गए। इंग्लैंड ने 10 अक्टूबर को बांग्लादेश टीम के साथ अपना अगला मुकाबला खेलना है। बता दें कि अहमदाबाद में हुए वर्ल्ड कप के पहले मैच में इंग्लिश टीम को न्यूजीलैंड के हाथों करारी शिकस्त मिली थी। ऐसे में इंग्लिश टीम इस मैच को जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं, धर्मशाला में 7 अक्तूबर को खेले गए मैच में बांग्लादेश की टीम ने अफगानिस्तान की टीम को हरा दिया था। बांग्लादेश की टीम इंग्लैंड को भी हराने के मकसद से मैदान में उतरेगी, ताकि वह अपने जीत के क्रम को जारी रख सके। अगर बात पिच की की जाए तो इस पिच पर अक्सर तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है और विदेशी बल्लेबाजों को भी इस पिच पर बल्लेबाजी करने में आसानी होती है। अब देखना होगा कि इंग्लैंड टीम के बल्लेबाज इस पिच पर किस तरह की बल्लेबाजी करते हैं।
-बोले, इंसान को अनुशासन, सहयोग तथा कठिन परिश्रम सिखाती हैं खेलें खेलो द्वारा व्यक्ति में अनुशासन, आपसी सहयोग तथा कठिन परिश्रम की क्षमता विकसित होती है तथा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में भी खेलों का विशेष महत्व है। इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिए जाने की आवश्यकता है, ताकि देश का भविष्य युवा पीढ़ी खेलों के माध्यम से भी अपना मुकाम हासिल कर सके। यह विचार उप मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश मुकेश अग्निहोत्री ने वन बिहारी नंद ब्रह्मचारी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलोह में छात्राओं की 38वीं राज्य स्तरीय अंडर 14 खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं व स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वन बिहारी नंद ब्रह्मचारी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलोह हिमाचल प्रदेश का पहला पूर्णतया स्मार्ट स्कूल बनने जा रहा है जहां पर बड़ी एलइडी स्क्रीनों के माध्यम से सूचना प्रौद्योगिकी का प्रयोग करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे, उच्च सुविधायुक्त रेसलिंग रिंग तथा विद्यालय परिसर में उच्च गति की वाई-फाई सुविधा भी प्रदान की जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर प्रतियोगिता का दौर है इसलिए जीवन में पढ़ाई व खेलों सहित प्रत्येक कार्य को कठिन परिश्रम तथा जुनून के साथ किए जाने की आवश्यकता है तभी जीवन में सफलता हासिल हो सकती है उन्होंने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करते रहें तथा अध्यापकों व अभिभावकों का सदैव सम्मान करें। पिछले दो दशक के दौरान हरोली विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास के विषय में चर्चा करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 2 दशक पूर्व जब उन्हें हरोली विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्र वासियों की सेवा करने का अवसर मिला उस समय विकास की दृष्टि से यह क्षेत्र बहुत ही पिछड़ा हुआ था। पिछले दो दशकों के दौरान उनके द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों से विकास के मामले में आज हरोली विधानसभा क्षेत्र की पूरे प्रदेश में मिसाल दी जाती है जिसका श्रेय इस क्षेत्र की जनता को भी जाता है जिनके निरंतर समर्थन व आशीर्वाद से उन्हें लगातार पांचवीं बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में यह क्षेत्र शिक्षा का हब बनने जा रहा है तथा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक सुविधाओं में इजाफा किया जाएग। उन्होंने बताया कि आज हरोली विधानसभा क्षेत्र में 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा तीन महाविद्यालय क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव सलोह में 150 करोड रुपए की लागत से स्थापित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) की बदौलत इस क्षेत्र को देश व दुनिया में विशेष पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पंडोगा का नया भवन बनकर तैयार हो गया है, जिसका जल्दी ही लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता कि क्षेत्र में स्थापित ही हिमकैप्स लॉ एंड नर्सिंग कॉलेज बढेड़ा का भी जिला ऊना के साथ साथ प्रदेश भर में विशेष स्थान है, जहां से कानून तथा नर्सिंग की पढ़ाई करने बाले बच्चे देश व दुनिया में इस क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला में माता चिंतपूर्णी मंदिर, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इंडियन ऑयल का डिपो, हिमाचल प्रदेश का सबसे लंबा ऊना हरोली पुल तथा पाइपलाइन के माध्यम से एलपीजी गैस प्रणाली की बदौलत आज जिला उनकी प्रदेश भर में एक विशेष पहचान है। उन्होंने जानकारी दी कि जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में लठियानी-मंदली के मध्य गोविंद सागर झील पर लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़े पुल का निर्माण किया जा रहा है।
-बोले, दुुनिया की एक बड़ी ताकत है इंडियन एयर फोर्स -दुश्मन का मुकाबला करने के लिए हमेशा तैयार एयरफोर्स की स्थापना दिवस के मौके पर आज ऊना केएमसी पार्क में एयरफोर्स के पूर्व अधिकारियों द्वारा शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व सैनिकों ने कहा कि भारतीय वायुसेना स्थापना वर्ष 1932 से लेकर अब तक इस मुकाम तक पहुंच चुकी है कि वह दुनिया के किसी भी देश का मुकाबला करने के लिए तैयार है। आज हम किसी भी देश का मुकाबला करने के लिए 3 मिनट में तैयार होकर दुश्मन पर अटैक कर सकते हैं और उसे खदेड़ सकते हैं। पूर्व सैनिक सीएस धीमान ने कहा कि इंडियन एयर फोर्स ने देश के लिए जो काम किया है, उसे पूरी दुनिया जानती है। देश में अगर कहीं कोई आपदा जैसे कि भुकंप आदि आ जाए तो इंडियन एयर फोर्स हर समय मदद के लिए तैयार रहती है। हम पूर्व सैनिक देश सेवा के लिए आज भी फिट हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला जाकर मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी की माता अमरलता अवस्थी और चौपाल से विधायक बलबीर वर्मा की माता विद्या वर्मा का कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि मेलों और उत्सवों के आयोजनों से जहां पहाड़ी संस्कृति का बेहतर प्रचार होता है वहीं स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच उपलब्ध होता है। डॉ. शांडिल गत देर सांय सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में 19वें हिमाचल उत्सव में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि वर्ष 2003 से हिमाचल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है और आज यह उत्सव प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि उत्सव के आयोजन से जहां लोगों का मनोरंजन हो रहा है वहीं युवा कलाकारों को बेहतर मंच भी मिल रहा है। हिमाचल उत्सव में देश के विभिन्न प्रदेशों से आए व्यापारियों को भी अपने उत्पाद के विक्रय करने का मंच भी मिलता है। उन्होंने युवाओं को अपनी संस्कृति को संजोए रखने में अपना बहुमूल्य सहयोग देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशा आज के समाज की सबसे बड़ी समस्या बन गया है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए नशे से दूरी बनानी होगी। उन्होंने डायनामिक इंडिया युवा मण्डल को अपनी ऐच्छिक निधि से 31 हजार रुपए देने की घोषणा की।
न्यू पेंशन कर्मचारी महासंघ जिला किन्नौर ने रविवार को मिनी स्टेडियम रिकांगपिओ में आभार रैली का आयोजन किया। आभार रैली में जिला किन्नौर के तीन खंडों से कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। रैली में प्रदेश के राजस्व, बागवानी एंव जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। न्यूज पेंशन कर्मचारी महासंघ जिला किनौर ने पुरानी पेंशन बहाल होने की खुशी में आभार रैली का आयोजन किया। न्यू पेंशन कर्मचारी महासंघ के प्रधान विजेंद्र जिन्टू, उपाध्यक्ष बलदेव बिष्ट, जिला महासचिव मोती नेगी और संज्ञा नेगी ने बताया कि एनपीएस कर्मचारियों की मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने पूरा सहयोग दिया है। कांग्रेस सरकार ने सता में आते ही पहली ही कैबिनेट में पुरानी पेंशन बहाल करके एतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने कर्मचारियों के साथ नाटी भी डाली।
-कहा, सेवा पखवाड़े में हर भाजयुमो कार्यकर्ता ने किया बेहतरीन काम सेवा पखवाड़े के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा प्रदेश भर में बीते दिनों विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पिछले एक सप्ताह में भाजयुमो द्वारा रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान जैसे अनेकों कार्यक्रम किए गए, जिसमें 7 दिनों में भाजयुमो ने रक्तदान कर 1556 यूनिट रक्त भी एकत्र किया है। भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता रोहित भारद्वाज ने कहा युवा मोर्चा ने पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा के रूप में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिसमें रक्त दान शिविर, सफाई अभियान वह अनेकों कार्यक्रम किए गए और युवा मोर्चा ने यह कार्यक्रम युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज शर्मा के नेतृत्व में पूरे प्रदेश भर में किए। युवा मोर्चा के सभी नेता युवा मोर्चा अध्यक्ष तिलक राज को बधाई देता है कि पूरे प्रदेश मे सफल कार्यक्रम रहे। रोहित भारद्वाज ने कहा कि आगे भी युवा मोर्चा इसी तरह के विभिन्न कार्यक्रम करता रहेगा। उन्होंने कहा कि ब्लड डोनेशन कार्यक्रम में युवा मोर्चा की दृष्टि से प्रभारी लगे युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री सनी शुक्ला ने पूरे प्रदेश से डाटा इक_ा कर मॉनिटरिंग कर के इस कार्यक्रम को सफल बनाया। प्रदेश में पहली बार किसी मोर्चा द्वारा 7 दिनों के अंदर 1556 यूनिट के आस पास ब्लड इक_ा किया गया और प्रदेश के सभी जिलों मे अच्छा कार्य किया गया। रोहित ने कहा कि प्रदेश के हर जिले मे मंडल स्तर पर इन कार्यक्रमों को किया गया और जिला के भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लेकर इन सभी कार्यक्रमों को सफल बनाए।
-सीएम ने निगम के निदेशक मंडल की 173वीं बैठक की अध्यक्षता की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शनिवार देर सायं शिमला में हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम सीमित के निदेशक मंडल की 173वीं बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आपदा प्रभावित परिवारों को नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन और नि:शुल्क राशन उपलब्ध करवाने की योजना शुरू की गई है और पात्र लाभार्थी इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारियों को इसके प्रभावी कार्यान्वयन की निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवार अपने उचित अधिकारों से वंचित न रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को एलपीजी सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर, हाट प्लेट, सुरक्षा पाइप सहित एलपीजी घरेलू रिफिल और ब्लू बुक की लागत सहित सभी संबंधित सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन प्रभावित परिवारों को नि:शुल्क राशन भी उपलब्ध करवा रही है जिसके अंतर्गत राशन पैकेज में 20 किलो गेहूं का आटा, 15 किलो चावल, 3 किलो दाल, 1 लीटर सरसों का तेल, 1 लीटर सोया रिफाइंड तेल, 1 किलो डबल फोर्टिफाइड नमक और 2 किलो चीनी शामिल है। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क राशन की यह सुविधा 31 मार्च, 2024 तक प्रदान की जाएगी। इससे प्रभावितों को मूलभूत खाद्य आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित होगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 1955 करोड़ रुपये का कुल कारोबार किया है और 87 लाख रुपए का लाभ अर्जित किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निगम को पूरी तरह से डिजिटल, वाणिज्यिक और पेशेवर इकाई बनाने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफएमसीजी उत्पादों की खरीद के लिए निगम को गोदरेज और बजाज जैसी अग्रणी कम्पनियों के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित करने चाहिए ताकि उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिल सकें। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने निगम से मरीजों की सुविधा के लिए और उन्हें उचित दरों पर दवाएं और अन्य सर्जिकल उपकरण उपलब्ध कराने के लिए राज्य भर के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 52 नई उचित मूल्य दवाओं की दुकानें खोलने के लिए भी कहा ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। निगम के गैर सरकारी निदेशक, प्रधान सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति आरडी नजीम, प्रधान सचिव वित्त मनीष गर्ग, सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, प्रबंध निदेशक राज्य नागरिक आपूर्ति निगम राजेश्वर गोयल, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार संदीप कदम, राज्य खाद्य और नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यकारी निदेशक सचिन कंवल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित थे।
-पंजाबी गायक देवेंद्र गिल ने संध्या में लगाए चार चांद -संध्या में हिमाचली-पंजाबी संस्कृति की दिखी झलक हिमाचल उत्सव की सातवीं सांस्कृतिक संध्या में कुलदीप शर्मा की नाटियों का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोला। कुलदीप ने अपनी नई नाटियों से जैसे ही कार्यक्रम की शुरुआत की तो ठोडो ग्राउंड में नाच रहे युवाओं के पैरों से उड़ती धूल नाटियों की हिमाचल उत्सव में लोकप्रियता का बखूबी बयान कर रही थी। कुलदीप ने अपनी नई पुरानी नाटियों से ऐसा समा बांधा की सभी दर्शक मंत्रमुग्ध हो कार्यक्रम का आनंद लेते दिखे। इससे पहले संध्या में आए ख्याति प्राप्त बांसुरी वादक हरिदत्त भारद्वाज के बांसुरी वादन ने खूब वाहवाही बटोरी। सातवीं संध्या में आकर्षक के तौर पर पंजाब के गायक देवेंद्र गिल का कार्यक्रम हुआ। जूनियर गुरदास मान के नाम से मशहूर देवेंद्र गिल की अपने साजिंदों के साथ जबरदस्त जुगलबंदी से हिमाचल उत्सव पंजाब की समृद्ध संस्कृति से सराबोर हो गया। सोलन के पुरस्कार विजेता लोक गायक जिया लाल ठाकुर की अगुवाई में सरगम कला मंच के कलाकारों ने पारंपरिक हिमाचली नाटियों को पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ पेश कर बेहतरीन प्रस्तुति दी। पहाड़ी गायक विनेश जोशी ने भी बिखेरा आवाज का जादू इसके अलावा आनी से आए पहाड़ी गायक विनेश जोशी ने भी हिंदी गीतों और नाटियों से खूब रंग जमाया। कुल्लू के लोक गायक अमर राठौर और राजगढ़ की गायिका रीना ठाकुर और सुनिता शांडिल की नाटियों पर भी युवा खूब नाचे। सातवीं सध्या में कामेडियन प्रिस गर्ग ने अपनी शानदार कामेडी और मिमिक्री पेश कर अपने हुनर का लोहा मनवाया। प्रिंस ने कॉमेडी के साथ साथ पक्षियों की तरह तरह की आवाजें निकाल कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। संध्या में एसजे डांसिंग जोन, नृत्यांगना एकडेमी, रूद्रम डांस एकेडमी, युवल शर्मा और संगीता शर्मा का डांस भी खूब पंसद किया गया। स्वास्थ्य मंत्री शांडिल रहे मुख्य अतिथि सातवीं संध्या में मुख्य अतिथि के तौर पर हिमाचल सरकार में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल और विशेष मेहमान के तौर पर मेरेडियन मेडिकेयर के चेयरमैन विनोद गुप्ता अपनी धर्मपत्नी के साथ मौजूद थे। कर्नल शांडिल की बेटी दीपाली ढौल, कांग्रेस नेता सरदार सिंह ठाकुर और नगर निगम में कांग्रेस के पार्षद भी मेहमान के तौर पर मौजूद थे। डायनामिक इंडिया युवा मंडल के संस्थापकों अध्यक्ष पंकज सूद, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा एडवोकेट, महासचिव कीर्ती कौशल सहित अंकुश सूद, संजीव वर्मा, रिपुदमन, मनोज ठाकुर, रजत थापा, विजय ठाकुर आदि ने आए हुए सभी मेहमानों का स्वागत किया।
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार समग्र शिक्षा के अंतर्गत नियुक्त विशेष शिक्षकों (एसएमसी/आउटसोर्स) की लंबित मांग को पूरा करते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा कार्यालय द्वारा प्रारंभिक स्तर पर नियुक्त विशेष शिक्षकों के मानदेय को 8,910 रुपये से बढ़ाकर 14,095 रुपये तथा वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर विशेष शिक्षकों का मानदेय 14,500 रुपये से बढ़ा कर 17,936 रुपये किया गया है। इन विशेष शिक्षकों को यह लाभ प्रथम अक्तूबर, 2023 से प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त समग्र शिक्षा के अंतर्गत एसएमसी के अंतर्गत नियुक्त विशेष शिक्षकों को चिकित्सा अवकाश का भी प्रावधान किया गया है। इन विशेष शिक्षकों को समान वर्ष में छह दिन का चिकित्सा अवकाश प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (एनएसएफक्य) के अंतर्गत कार्यरत वोकेशनल ट्रेनर्ज का वेतन बढ़ाकर 22 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार विशेष शिक्षकों की मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील रही है तथा उन्हें वेतन वृद्धि प्रदान कर अपना वायदा पूरा किया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
- जिन क्षेत्रों में सेब होता ही नहीं, वहां के विधायक विदेशी दौरे में क्या करेंगे भाजपा प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि जब भी कोई वर्ल्ड बैंक या कोई बड़ा प्रोजेक्ट आता है तो उसमें एक एक्सपोजर टूर का बजट होता है। इसमें कृषक, उद्यमी, अफसर, विभाग के प्रमुख प्रोजेक्ट शुरू होने से पहले टूअर पर जाते हैं। इसके माध्यम से उनको पूरे विश्व से उस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतरने के लिए अच्छी जानकारी प्राप्त होती है, पर हैरानी की बात है कि वर्तमान में हिमाचल राज्य बागवानी मिशन प्रोजेक्ट जो सरकार द्वारा एक्सटेंशन और वायु-प्रवाहक पर है और जिसके अंतर्गत 60 लाख रुपये बचे हैं उसमें विदेश दौरा बना दिया गया है। इस दौरे में कोई किसान नहीं जा रहा है। किसान बहुल इलाके का कोई विधायक नहीं जा रहा है। दौर पर जा रहे हैं हमीरपुर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, अर्की के विधायक संजय अवस्थी और एक विधायक जिनकी मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने हाथों से फाइल क्लियर करके बोर्ड को भेजी वो हैं नाहन के विधायक अजय सोलंकी। हैरानी की बात है कि इस दौरे पर जाने वाले विधायकों के क्षेत्र में सेब नाम की चीज ही नहीं है। उन्होंने कहा हम मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री इस दौरे को लेकर फिर विचार करें, यह किसानों का पैसा है और इसको सैर-सपाटे के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। हम वर्तमान सरकार पर आरोप लगाते हैं कि वर्ल्ड बैंक प्रोजेक्ट में जो दौरा हो


















































