-उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने लिया अच्छा निर्णय जिला ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा शुरू किया गया हरोली उत्सव चाहे बीजेपी सरकार में बंद रहा, लेकिन इस बार पुन: इस उत्सव को मनाने की कवायद शुरू की गई। 8, 9 व 10 अक्तूूबर को यह उत्सव कांगड़ के मैदान में होना तय किया गया। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी इसके लिए प्रशासन को आगे बढ़ाने का हौसला दिया, लेकिन इसी दौरान प्रदेश में बारिश से बड़ी आपदा आई, जिसमें 12000 करोड़ का नुकसान हुआ 400 से ज्यादा लोगों की मृत्यु हुई, ऐसे में हरोली उत्सव की तैयारी के बीच उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पहल करते हुए प्रशासन को यह उत्सव फिलहाल स्थगित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद तैयारी बंद कर दी गई है और अब इस उत्सव को आगे बढ़कर किया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस समय प्रदेश में उत्सव मनाने का माहौल नहीं है, इस समय प्रदेश में जो आपदा आई है उसमें जो प्रभावित है उनको मदद करने का अवसर है। प्रदेश को पटरी पर लाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उत्सव जरूरी है, उत्सव से सांस्कृतिक मंच मिलता है, प्रतिभाओं में निखार आता है। उन्होंने कहा कि यह आगे आने वाले समय में किया जा सकता है, फिलहाल इसको स्थगित किया गया है।
- पुलिस अकादमी स्थाापित करने पर भी विचार कर रही सरकार - मुख्यमंत्री ने डरोह में पुलिस बैरक तथा आवास सुविधा का लोकार्पण किया प्रदेश में पुलिस बल के सशक्तिकरण के लिए पुलिस विभाग में आरक्षियों के 1226 पद भरने की स्वीकृति प्रदान की गई और कमांडो बल स्थापित करने के मामले पर विचार किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह बात आज पुलिस प्रशिक्षण कॉलेज डरोह में पासिंग आउट परेड की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस विभाग के आधुनिकीकरण के लिए कृत संकल्प है, जिसके लिए विभिन्न नई तकनीक शामिल की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को आवासीय सुविधाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है, जिसके लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का आधुनिकीरण सरकार की प्राथमिकता है और सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और अधिक संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारकी जिला कांगड़ा में पुलिस अकादमी स्थापित करने की योजना है। उन्होंने पास आउट प्रशिक्षुओं को सेवाओं में व्यावसायिकता तथा प्रतिबद्धता लाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए पुुलिस के सामने नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रशिक्षुओं को बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि वे अनुशासन के साथ सेवा प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस ने राज्य में मानसून के दौरान आई आपदा में सराहनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्रदेश में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के साथ मिलकर बचाव तथा राहत कार्यों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने 271 महिला प्रशिक्षुओं सहित 1093 प्रशिक्षु पुलिस आरक्षियों की परेड का निरीक्षण किया तथा भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। प्रशिक्षुओं ने हथियारों को जोड़ने-खोलने, निशस्त्र युद्ध, कमांडों युद्ध, वैपन पीटी तथा मास पीटी की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने 21 करोड़ रुपये की लागत से डरोह में निर्मित 12 टाइप-3 आवास, 320 प्रशिक्षुओं के बैरेक तथा बाढ़ एवं फ्लड एंड ड्राउनिंग सेंटर का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों के मेधावी प्रशिक्षुओं तथा प्रशिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने महाविद्यालय की मासिक पत्रिका के 33वें अंक का विमोचन भी किया। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने स्वागत संबोधन में पुलिस विभाग में विभिन्न पद स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि इस निर्णय से रिक्तियां भरने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस बैच के प्रशिक्षण में उच्च मानकों को अपनाया गया है। यह महाविद्यालय राष्ट्रीय तथा उत्तर क्षेत्र स्तर पर प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ आंका गया है तथा अब उप-पुलिस अधीक्षक तथा उप-निरीक्षक प्रशिक्षण में भी सर्वोच्च रैकिंग प्राप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह के प्रधानाचार्य विमल गुप्ता ने कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। राज्य कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आपदा राहत कोष के लिए 11 लाख रुपये का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत सजूराम राणा (आईपीएस) के पुत्र साहिल राणा को पुलिस विभाग में नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, किशोरी लाल तथा आशीष बुटेल, विधायक यादविंदर गोमा, पूर्व विधायक जगजीवन पाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सशस्त्र पुलिस एवं प्रशिक्षण अभिषेक त्रिवेदी, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल भी अन्य गणमान्य व्यक्ति सहित उपस्थित थे।
-परिवारजनों से भेंट कर व्यक्त की शोक संवेदनाएं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज चंबा के विधायक नीरज नैय्यर के निवास स्थल पर उनकी स्वर्गीय माता चंचल नैय्यर की रस्म क्रिया में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान नीरज नैय्यर के शोकाकुल परिवारजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की और उन्हें सांत्वना प्रदान की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक-संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय चंचल नैय्यर एक मिलनसार महिला थीं। समाज सेवा में दिए गए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। इस दौरान मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, विधायक यादविंदर गोमा, संजय रतन, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी धर्म सिंह पठानिया और अमित भरमौरी, कार्यकारी जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी कमल ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि शिवा प्रोजेक्ट के अंतर्गत 1300 करोड़ की राशि व्यय करके किसानों, बागबानों को खेत संरक्षण, सिंचाई, निशुल्क पौधे एवं अन्य सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। रविवार को शाहपुर विस क्षेत्र के ठेहड़ में 40 लाख से बनने वाले लोक भवन तथा 20 लाख से बनने वाले पंचवटी पार्क का शिलान्यास करने के उपरांत हार चक्कियां में जनसभा को संबोधित करते हुए राजस्व बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश को फल राज्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा के दौरान पूर्णतया क्षतिग्रस्त घरों के मालिक को मिलने वाली राशि को 1लाख 30 हजार से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया है इससे प्रदेश के तीन हजार लोगों को लाभ मिलेगा। आंशिक तौर पर प्रभावित घरों के मालिकों को 1 लाख की सहायता राशि दी जाएगी इससे 13000 प्रभावित लोग लाभान्वित होंगे। आपदा के समय गाय की मृत्यु पर 50 हजार की धनराशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को राजस्व मामलों में शीघ्र न्याय हेतु लैंड कानून में भी संशोधन किया गया है। अब निशानदेही,इंतकाल तथा तक्सीम जैसे मामलों में समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मामलों का समय पर निपटान न करने वालों के खिलाफ उचित करवाई अमल में लायी जाएगी ।लोगों को समय पर न्याय देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने हारचक्कियां स्कूल के प्रधानाचार्य को अपने स्कूल में इंग्लिश मीडियम शुरू करने का सुझाव भी दिया ताकि क्षेत्र के बच्चों को गुणात्मक शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए स्कूल को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सचंगर कांग्रेस कमेटी की मांग है कि यहां की सब तहसील को कांगड़ा के स्थान पर उपमण्डल शाहपुर से जोड़ा जाए। इस पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा और क्षेत्रवासियों को हर सम्भव राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा । उन्होंने कहा कि सभी विभाग गाँव में शिविरों का आयोजन कर प्रदेश की योजनाओं को बताएं ताकि सभी पात्र व्यक्ति उनका लाभ उठा सकें। इससे पूर्व उन्होंने उन्होंने उद्यान विभाग द्वारा लगाए गए डेमोस्ट्रेशन प्लांट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने हारचक्कियां में उपतहसील भवन की साइट का निरीक्षण भी किया। स्थानीय विधायक केवल पठानिया ने राजस्व मंत्री का उनके विधानसभा में आने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि यहां की विद्युत व्यवस्था में सुधार हेतु शाहपुर-लंज नई एलटी लाइन 33केवी सेंटर के साथ बनाई जा रही है इसपर 3 करोड़ 85 लाख रुपये व्यय होंगें । भरुपलाहड़ में 1करोड़ 14लाख से नया पंचायत भवन बनाया जाएगा । उन्होंने बागवानी मंत्री से कीवी की तरह ड्रैगन फ्रूट को मुख्यमंत्री योजना के तहत शामिल करने का आग्रह किया । उप निदेशक उद्यान डॉ कमलशील नेगी ने मंत्री का स्वागत लिया तथा विभाग की विभिन्न गतिविधियों बारे जानकारी दी । ग्राम पंचायत प्रधान तिलक राज तथा चंगर कांग्रेस कमेटी प्रधान सुरजन सिंह ने भी अपने विचार रखे । इस अवसर पर स्थानीय विधायक ने राजस्व मंत्री को खुद का तैयार लिया हुआ कद्दू भेंट किया । इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई थी । इसके लिए मंत्री ने विभागों की सराहना की ।इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा सौमिल गौतम, उपनिदेशक कृषि डॉ राहुल कटोच, वैज्ञानिक अधिकारी सुनन्दा पठानिया ,बीडीओ रैत कंवर सिंह बीडीओ काँगड़ा तजेंद्र, जिप सदस्य नीना ठाकुर, बीएमओ शाहपुर डॉ विक्रम कटोच, प्रधानाचार्य आईटीआई शाहपुर चौन सिंह, ब्लॉक कांग्रेस प्रधान सुरजीत राणा,प्रदीप बलोरिया, रावमापा हारचक्कियां के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार, डीडी शर्मा अजय बबली, विभिन्न पंचायतों के प्रधान ,स्कूल स्टाफ,स्कूली बच्चे तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
-कांगड़ा जिले में 468 शतकवीर मतदाताओं को किया सम्मानित अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों पर जिला प्रशासन ने कांगड़ा जिला में 468 शतकवीर मतदाताओं को सम्मानित किया गया। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने धर्मशाला के वार्ड नंबर 16 सिद्धपुर में 101 वर्षीय तिलको देवी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिला के विभिन्न उपमंडलों में उपमंडलाधिकारियों, तहसीलदारों तथा बूथ लेवल अधिकारियों ने सौ वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके मतदाताओं को उनके घर जाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से वृद्धजनों के लिए घर पर ही वोट डालने की सुविधा भी प्रदान की गई है, ताकि सभी वृद्धजन लोकतंत्र के सुदृढ़ीकरण में अपना रचनात्मक सहयोग सुनिश्चित कर सकें। वृद्धजनों के कल्याण के लिए तत्पर सरकार व प्रशासन उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि सरकार की ओर भी वृद्धजनों के कल्याण के लिए अनेक कार्यक्रम तथा योजनाएं आरंभ की गई हैं तथा इन योजनाओं का सुचारू कार्यान्वयन भी सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि वृद्धजनों को किसी भी तरह की दिक्कत पेश नहीं आए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर पात्र बुजुर्गों को वृद्वावस्था पेंशन भी प्रदान की जा रही है ताकि बुढ़ापे में जीवन यापन बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे जीवन का आधार हैं। वरिष्ठ नागरिकों के जीवन अनुभवों से हम सब अपने जीवन को और बेहतर बना सकते हैं। बुजुर्गों के लिए सेहत सेवा अभियान जिला कांगड़ा में 'सेहत सेवा अभियान' के अंतर्गत बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों के छ: सप्ताह के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। उपायुक्त ने बताया कि 'सेहत सेवा अभियान' के अन्तर्गत बुजुर्गों की देखभाल, चिकित्सा जांच, संवाद, मनोरंजन और उनके सम्मान से जुड़े पहलुओं पर विशेष तौर पर फोक्स किया गया था। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों की देखभाल, उनकी संवेदनाओं और समस्याओं के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से छ: सप्ताह का यह विशेष अभियान चलाया गया था।
क्रिप्टो करंसी में निवेश के नाम पर लोगों के करोड़ों रुपये डकारने वालों पर सख्ती का असर दिखने लगा है। मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाने के बाद आरोपी किसी न किसी तरह बचने की कोशिश में जुट गए हैं। वे किसी भी तरह खुद को केस से दूर करने की कोशिश में हैं। देहरा में कुछ दिन पहले 30 लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि क्रिप्टो में निवेश के नाम पर उनसे लाखों रुपये ठग लिए गए हैं। देहरा के विधायक होशियार सिंह ने मामला जब विधानसभा में उठाया तो सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी बना दी। पैसा लगवाने को कहने वाले ज्यादातर लोग एक दूसरे के जानकार थे। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज करने के बाद इसे एसआईटी के पास भेज दिया। बताया जा रहा है कि इससे अगले ही दिन कुछ लोग थाने पहुंच गए और एफआईआर से लोकल लोगों के नाम हटाने की मांग करने लगे। इनमें से कुछ शिकायतकर्ताओं ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर यह मांग पुलिस के सामने रखी है। हालांकि एफआईआर से नाम हटाने का फैसला अदालत ही करेगी। इसी बीच पता चला है कि एफआईआर में नाम आने के बाद कुछ आरोपियों ने पीडितों को रुपये वापस करना शुरू कर दिया है। रुपये वापस मिलने के बाद ही ये लोग एफआईआर से आरोपितों के नाम हटवाने पहुंचे थे। सामने आएं पीड़ित, सबको न्याय मिलेगा : होशियार देहरा के निर्दलीय विधायक होशियार सिंह का कहना है कि यह एसआईटी को मामला सौंपने का ही असर है कि आरोपियों ने निवेशकों का पैसा वापस करना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि इस मामले में ठगी के शिकार सभी लोगों को सामने आना चाहिए। उन्हें पूरा विश्वास है कि एसआईटी हर आरोपी को पकड़कर उन्हें न्याय दिलाएगी। यदि लोग सामने नहीं आएंगे तो ठगी के सही आंकड़े सामने नहीं आ पाएंगे।
-शाहपुर में प्रारंभिक शिक्षा खंड रैत की खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू शाहपुर में प्रारंभिक शिक्षा खंड रैत की 28वीं खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक केवल पठानिया ने किया। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में शिक्षा खंड रैत के 4 जोन शाहपुर, रैत, लदवाड़ा तथा दरीणी के 250 छात्र-छात्राएं कबड्डी ,खो-खो,बॉलीवाल तथा बैडमिंटन इत्यादि खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास लिए खेल प्रतियोगिताएं अत्यंत जरूरी हैं, खेलों के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा विपरीत स्थितियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए कारगर कदम उठा रही है इसी दिशा में चरणबद्व तरीके से पंचायत स्तर पर खेल मैदानों के निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने शाहपुर के बीईईओ परिसर में एक गेस्ट हाउस बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि गेस्ट हाउस के निर्माण से खेल इत्यादि कार्यक्रमों के दौरान दूर दूर से आने वाले अध्यापकों तथा बच्चों को रहने की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने नगर पंचायत शाहपुर के सचिव को शाहपुर खेल मैदान में बनाये गए स्टेज के जीर्णोद्धार का प्राकलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाहपुर की प्रबुद्ध जनता ने अब तक आपदा राहत के लिए 22 लाख 27 हजार की सहायता राशि भेंट की है पीटीएफ के प्रधान राजीव शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा इस खेलकूद प्रतियोगिता बारे विस्तार से जानकारी दी । बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया ।खण्ड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी अनु सैणी ने विधायक का कार्यक्रम में आने पर धन्यवाद किया व आभार जताया। इससे पहले विधायक केवल पठानिया ने नप शाहपुर द्वारा आयोजित स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत सफाई अभियान का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर राजेन्द्र मन्हास प्रधान अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ कांगड़ा के नेतृत्व में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ तथा एनपीएसऐ शाहपुर की ओर से आपदा सहायता राशि के लिए 74 हजार का चेक विधायक को भेंट किया गया। इस अवसर पर नप शाहपुर की अध्यक्षा उषा शर्मा, सहायक निदेशक प्रारंभिक शिक्षा संजय ठाकुर, उपनिदेशक बागवानी कमलशील नेगी, कृषि उप निदेशक राहुल कटोच, डीडी शर्मा, प्रधानाचार्य अनिल जरयाल, अश्विनी चौधरी,सेवा निवृत्त बीईईओ राजेश राणा तथा विजय कुमार ,व्यापार मंडल शाहपुर के प्रधान जितेंद्र सोंधी, नप सचिव प्रदीप दीक्षित, ग्रुप अनुदेशक मनोज सिंह, जितेंद्र महाजन, दलजीत पठानिया राकेश, सीएचटी रेखा,ममता शर्मा, जागीर, गायत्री, वनीता, रीता बलोरिया, तिलक राज,निक्कू गोस्वामी, उमा, ठाकुर, सुमना देवी,अजय ठाकुर, मीतू गोस्वामी के अतिरिक्त विभिन्न स्कूलों के अध्यापक तथा स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शूलिनी यूनिवर्सिटी के डायलेक्टिकस, द हिमालयन लिटरेरी फोरम ने द मैनिफोल्ड एस्पेक्ट्स ऑफ राइस अक्रॉस द ग्लोब शीर्षक से एक सत्र आयोजित किया। इस सत्र में साहित्य संस्थान, उदयपुर विद्यापीठ के निदेशक प्रोफेसर जीवन सिंह खरकवाल मुख्य वक्ता थे। उन्होंने चावल के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और कृषि महत्व पर चर्चा की। सत्र के दौरान प्रो. खरकवाल ने एशिया में चावल की खेती की उत्पत्ति और उसके बाद इसके वैश्विक प्रसार के बारे में बात की। उन्होंने अनुष्ठानों, त्योहारों और व्यंजनों में इसके अभिन्न अंग पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न समाजों में एक सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में चावल की भूमिका पर भी जोर दिया। प्रोफेसर खरकवाल ने चावल की खेती के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जिम्मेदार और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की आवश्यकता पर बल दिया। प्रो. तेज नाथ धर, हेमंत कुमार शर्मा, डॉ. एकता सिंह, और प्रो. नासिर दश्तपेमा सक्रिय रूप से चर्चा में शामिल रहे और उन्होंने चावल की खेती, इतिहास और सांस्कृतिक महत्व के विभिन्न पहलुओं पर विचारोत्तेजक प्रश्न पूछे। इससे पहले डॉ. पूर्णिमा बाली ने वक्ता और उपस्थित लोगों का स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन डॉ. नवरीत साही की समापन टिप्पणी के साथ हुआ।
महात्मा गांधी की 154वीं जयंती से पहले आज स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान किया गया। डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस वॉलंटियर ने रविवार को 'एक तारीख-एक घंटे' कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय परिसर और नौणी मझगांव में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। विश्वविद्यालय के छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में सभी हॉस्टल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, औदयानिकी महाविद्यालय और वानिकी महाविद्यालय के समीप सफाई अभियान चलाया। विश्वविद्यालय के छात्रों ने नौणी पंचायत के प्रधान मदन हिमाचली, उप प्रधान हरदेव सिंह और वार्ड मेंबर अनीता कौंडल, संजय शर्मा, विद्या देवी, पुष्पा शर्मा तथा अन्य लोगों के साथ मिलकर पंचायत और मार्केट में सफाई अभियान चलाया और रोड के आसपास पड़े कूड़े को इक_ा किया। इस कार्यक्रम में 265 एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस वॉलंटियर और कार्यक्रम में संवन्यक डॉ. सुनील मरपा, डॉ सुभाष शर्मा, डॉ चंदरेश गुलेरिया, डॉ. पकंज शर्मा और छात्र कल्याण संघठन के सदस्यों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने अपने अपने हॉस्टल के आस पास सफाई अभियान चलाया। विश्वविद्यालय के नेरी और थुनाग महाविद्यालय में भी इस कार्यक्रम के तहत सफाई अभियान चलाया गया।
-कन्या विद्यालय कुनिहार में जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र खेल प्रतियोगिता संपन्न कन्या विद्यालय कुनिहार में आज जिला सोलन स्कूली क्रीड़ा खेल संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र खेल प्रतियोगिता का विधिवत समापन हुआ। समापन अवसर पर राजेश शर्मा राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा अभियान हिमाचल प्रदेश बतौर मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे। आयोजकों द्वारा मुख्यातिथि का जोरदार स्वागत किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य दीपिका शर्मा व एसएमसी अध्यक्ष कृष्ण चंद द्वारा मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। एडीपीओ महेंद्र ठाकुर व आयोजन समिति सचिव दीपिका शर्मा ने मुख्यातिथि व अन्य गणमान्य लोगों का कार्यक्रम में पहुंचने के लिए धन्यवाद किया,साथ ही उन सभी सहयोगियों का जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया उनका भी आभार व्यक्त किया। मुख्यातिथि ने आयोजकों को इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन की बधाई दी। मुख्यातिथि ने सभी खिलाड़ी बच्चों को अपने जीवन मे लक्ष्य निर्धारित करने व उसे पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करने की अपील की। अंत में मुख्यातिथि ने एथलेटिक्स व सांस्कृतिक स्पर्धाओं में विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर एडीपीओ महेंद्र ठाकुर, प्रधानाचार्य दीपिका शर्मा, एसएमसी कृष्ण चंद, डीपीई विजय प्रकाश, विनोद पाठक, राजेंद्र शर्मा, कुलभूषण गुप्ता, टीसी गर्ग, गोपाल शर्मा, सत्यप्रकाश आदि मौजूद रहे। ये रहे विजेता राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन बना एथलेटिक्स चंैपियन। योगा में ओच्छघाट प्रथम, लंबी कूद में विनीत नालागढ़, ऊंची कूद में साहित्य ओच्छघाट, डिस्क थ्रो में अभिनव बीसा, गोला फेंक में रौनक मानपुरा प्रथम रहा। जुडो के अलग-अलग भार वर्ग में साहिल सोलन, अजय कोठी देवरा, सचिन सोलन व राकेश सोलन प्रथम रहे। इसी तरह चेस मुकाबलों में कार्तिक ठाकुर बीएल कुनिहार, जतिन चौहान मंज्याट, ध्रुव ठाकुर भोजनगर, अवनीत जोंगो प्रथम रहे। डिक्लेमशन में बीएल कुनिहार, सोलो सॉन्ग सोलन, ग्रुप सॉन्ग केके ब्लूसम, वन एक्ट प्ले सोलन, फोक डांस करोग स्कूल प्रथम रहे।
केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल ने उत्तराखंड के टिहरी में टीएचडीसीआईएल के 2400 मेगावाट के टिहरी हाइड्रो कॉम्प्लेक्स का दौरा किया। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने अग्रवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड में उनके पहली बार किए जा रहे दौरे पर उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। जे. बेहेरा, निदेशक (वित्त), शैलेेंद्र सिंह, निदेशक (कार्मिक) और भूपेेंद्र गुप्ता, निदेशक (तकनीकी) ने पंकज अग्रवाल को टिहरी परिसर में उनके आगमन पर अपनी शुभकामनाएं दीं। पंकज अग्रवाल ने टिहरी परियोजना के दौरे के दौरान टिहरी में स्वच्छता पखवाड़ा की शपथ दिलाई। उन्होंने टीएचडीसी प्रबंधन, अधिकारियों और भागीरथीपुरम, टिहरी के स्थानीय निवासियों के साथ भागीरथीपुरम, टिहरी के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत श्रमदान किया। पंकज अग्रवाल ने परियोजना के प्रमुख घटकों जैसे अपस्ट्रीम सर्ज शाफ्ट, बटरफ्लाई वाल्व चैंबर, पेनस्टॉक असेंबली चैंबर, विद्युत गृह और टीआरटी आउटफॉल में गहरी रुचि दिखाते हुए इनका गहन निरीक्षण किया। उन्होंने टिहरी में टिहरी जलविद्युत परियोजना के प्रबंधन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। उनके दौरे का प्रमुख उद्देश्य 1000 मेगावाट की टिहरी एचईपी के प्रचालन और रखरखाव गतिविधियों की प्रगति के साथ-साथ 1000 मेगावाट के टिहरी पंप स्टोरेज संयंत्र पर चल रहे कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन करना था। उन्होंने टीएचडीसी के अधिकारियों द्वारा की जा रही उच्चतम मानकों की ओ एंड एम गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी न केवल उत्तरी ग्रिड को सस्ती,स्वच्छ और हरित ऊर्जा प्रदान करते हुए बहुमूल्य योगदान दे रहा है, अपितु बाढ़ नियंत्रण के साथ-साथ सिंचाई से संबंधित लाभ पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इससेपूरे क्षेत्र का समग्र सामाजिक-आर्थिक उत्थान हो रहा है। भूपेंद्र गुप्ता, निदेशक (तकनीकी) और एलपी जोशी, कार्यपालक निदेशक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) ने भारत के जल विद्युत ऊर्जा उत्पादन के बुनियादी ढांचे के महत्वपूर्ण भाग के रूप में निर्मित की जा रही 4म250 मेगावाट टिहरी पीएसपी पर चल रहे कार्यों के बारे में बारीकी से बताया। आरके विश्नोई ने इस बात पर बल देते हुए कहा कि टिहरी पीएसपी देश में सीपीएसयू के द्वारा निर्मित किया जा रहा सबसे बड़ा पंप स्टोरेज प्लांट है और सचिव (विद्युत) का दौरा स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा समाधानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। विश्नोई ने आगे कहा कि टीएचडीसी की टिहरी पीएसपी की पहली यूनिट फरवरी 2024 में चालू होने वाली है, इसके बाद विभिन्न चरणों में अन्य इकाइयां शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड नवाचारी और टिकाऊ बिजली समाधानों के माध्यम से भारत की ऊर्जा सुरक्षा और सामाजिक- आर्थिक विकास में योगदान देने के अपने मिशन के लिए पूरी तरह समर्पित है।
रेड रन में सात जिलों से 66 युवाओं ने लिया भाग मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एड्स के बारे समाज को जागरूक करने के लिए शिमला के आज रिज से राज्य स्तरीय मैराथन (रेड रन) का शुभारंभ किया। इस मैराथन में प्रदेश के सात जिलों से विभिन्न श्रेणियों के 66 युवाओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मैराथन के सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी तथा एड्स से बचाव के लिए सही जानकारी की महता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज में एड्स के संदर्भ में महत्त्वपूर्ण बदलाव आए हैं। एक समय में एड्स के विषय पर चर्चा करने में लोग शर्म महसूस करते थे लेकिन वर्तमान में इस विषय पर सघन विचार-विमर्श किया जाता है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 5,300 एड्स रोगी हैं तथा राज्य सरकार इन्हें नि:शुल्क उपचार तथा सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार ने युवाओं को एड्स संबंधी जानकारी प्रदान करने के लिए 1097 हेल्पलाइन स्थापित की है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में दो समर्पित आईटीसी वाहनों सहित 55 एकीकृत परीक्षण तथा परामर्श केन्द्रों के माध्यम से नि:शुल्क परीक्षण व परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने समाज को एड्स के बारे में जागरूक बनाने के लिए सोशल मीडिया की भूमिका पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नीतियां तथा योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान भारी जान व माल का नुकसान हुआ है, जिससे उबरने में समय लगेगा। प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत आपदा राहत कार्यों के लिए 4500 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज आवंटित किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने इस अवसर पर एड्स से संबंधित भ्रम और भ्रांतियों को दूर करने में युवाओं की अहम भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एड्स रोगियों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिनमें नि:शुल्क परीक्षण तथा उपचार भी शामिल है। इस अवसर पर इसके अतिरिक्त मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार देर सायं 55 नवनियुक्त सहायक अभियंताओं के साथ बातचीत की। मुख्यमंत्री ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा अपने बहुमूल्य विचार साझा किए। इन अभियंताओं में से 43 हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड, 10 हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा दो ऊर्जा विभाग में सेवा प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने अभियंताओं को लोगों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए ईमानदारी तथा समर्पण भाव से कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा तथा पर्यटन क्षेत्र प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, जिससे हिमाचल प्रदेश एक आत्मनिर्भर राज्य बनेगा। प्रदेश सरकार राज्य की संभावित जल विद्युत ऊर्जा क्षमता के दोहन के लिए समर्पित है और ऊर्जा सृजन तथा इसकी क्षमता में बढ़ोतरी करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अभियंताओं को अद्यतन तकनीक के माध्यम से विशेषज्ञ कौशल विकसित करने को कहा, ताकि हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड को अधिक राजस्व सृजित करने के लिए सक्षम बनाया जा सके। प्रदेश सरकार ऊर्जा क्षेत्र में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक राजस्व सृजन है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवा अभियंताओं को चुनौतियों का सामना कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, प्रधान सचिव ऊर्जा आरडी नज़ीम, सचिव राजीव शर्मा, प्रबंधन निदेशक हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, बिजली बोर्ड के निदेशक वित्त डॉ. अमित कुमार शर्मा भी अन्य गणमान्य सहित उपस्थित थे।
-सामाजिक कार्यकर्ता शिवेंद्र सैनी बोले, रेल सेवा बंद होने से हजारों लोग परेशान -आने-जाने में हो रही परेशानी, कईयों का रोजगार भी खत्म पठानकोट-जोगिंदर नगर रेलवे मार्ग पर बरसात के कारण गत तीन महीने से रेल सेवा पूर्ण रूप से बंद पड़ी है, जिससे की क्षेत्र की जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आज रेलवे स्टेशन गुलेर पर स्थानीय लोगों ने एक मांग पत्र केंद्रीय रेल मंत्री को भेजा और इस रूट पर रेल सेवा बहाल करने की मांग की। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं एडवोकेट शिवेंद्र सैनी ने कहा कि यह रेल मार्ग इस क्षेत्र की जीवनरेखा है। दिन में हजारों लोग रेल के माध्यम से अपने-अपने गंतव्य को जाते हैं और रेल के माध्यम से बहुत से लोगों का रोजगार भी चलता है। उन्होंने स्थानीय जनता के साथ केंद्रीय रेल मंत्री से मांग रखी है कि अति शीघ्र जसूर से बैजनाथ तक रेल सेवा बहाल की जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।
-पहाड़ी से चट्टानें गिरने से सैकड़ों वाहन फंसे हिमाचल के किन्नौर जिले के निगुलसरी में हिंदुस्तान-तिब्बत बॉर्डर को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-5 पर रविवार सुबह फिर से भारी लैंडस्लाइड हो गया। इससे समूचे किन्नौर जिले का शेष देश दुनिया से संपर्क कट गया। हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई हैं। निगुलसरी में एनएच-5 बंद होने से सैकड़ों पेटी सेब और मटर की फसल टापरी मंडी और ट्रकों में फंस गई है। इससे बागवानों की चिंताएं बढ़ गई है। लोक निर्माण विभाग सड़क की बहाली में जुटा हुआ है, लेकिन पहाड़ी से बार बार गिर रहे पत्थर इसमें बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इससे पहले भी बीते छह और सात सितंबर को यहां भारी लैंडस्लाइड हुआ था और सड़क का करीब 400 मीटर हिस्सा धंस गया था। उस दौरान हाईवे 11 दिन तक बंद रहा। दिन-रात सड़क बहाली का काम किया गया। तब जाकर सड़क को खोला गया। दैनिक उपभोग की वस्तुओं की सप्लाई ठप सड़क बंद होने से आज किन्नौर जिले में दैनिक उपभोग की खाद्य वस्तुएं दूध, दही, ब्रेड, मक्खन, सब्जियों इत्यादि की सप्लाई भी नहीं पहुंच पाई।
राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अर्की की एनएसएस इकाई ने आज स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत 1 घंटा कार्यक्रम में श्रमदान दिया। अभियान का शुभारंभ महाविद्यालय से बातल गांव की ओर रैली निकालकर किया गया। बातल गांव के स्वास्थ्य केंद्र के आसपास, स्थानीय प्रधान, उप प्रधान एवं वार्ड मेंबर ने रैली का स्वागत किया। इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी इकाइयों के सदस्यों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात सभी इकाईयो ने स्वास्थ्य केंद्र व जल स्रोत के आसपास की साफ सफाई की। इस कार्यक्रम में सभी कार्यक्रम अधिकारियों ने पंचायत के प्रधान, वार्ड मेंबरों ने ओर अन्य स्थानीय सदस्यों ने विद्यार्थियों के साथ मिल कर बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों समेत लगभग 100 लोगों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर सुनीता शर्मा जी के दिशा निर्देशन व संरक्षण में सम्पन हुआ। महाविद्यालय की ओर से प्रोफेसर पुनीत, प्रोफेसर सुमन, प्रोफेसर चमन, प्रोफेसर हेमलता प्रोफेसर रेखा, तथा डॉ. धनदेव शर्मा मौजूद रहे।
पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में ऑल इंडिया आईपीएससी अंडर-14,17,19 गर्ल्स बैडमिंटन टूर्नामेंट-2023 का आयोजन 26 सितंबर से लेकर 29 सितंबर तक किया गया। इसमें मेजबान स्कूल को जोड़कर देशभर के प्रतिष्ठित एवं अती ऊंचे स्तर के कुल 21 विद्यालयों की लड़कियों की टीमों नें भाग लिया। टूर्नामेंट के समापन समारोह में एडीएम सोलन कविता ठाकुर अपनी व्यस्तता में से समय निकालकर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करके सभी को अभिभूत किया। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर के परिसर में मुख्य अतिथि के आगमन पर विद्यालय के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह ने स्कूल हेड बॉय, हेड गर्ल एवं अन्य हेड्स की अगुआई में उनका स्वागत किया। तत्पश्चात उन्हें विद्यालय भ्रमण के लिए ले जाया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य अधिकारी स्पोर्ट्स सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने ऑल इंडिया आईपीएससी अंडर-14,17,19 गर्ल्स बैडमिंटन टोर्नामेंट 2023 के फाइनल्स की शोभा बढ़ाई। इस चार दिवसीय टूर्नामेंट के बहुप्रतीक्षित परिणाम अंतत: घोषित किए गए। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 'कमांडर एसएस ज्ञानी मेमोरियल स्पोर्ट्स सेंटर' में एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर ने ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी अपने नाम की। टीम इवेंट के परिणाम अंडर-14 श्रेणी: इस श्रेणी में एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर विजेता रहा। वहीं, प्रथम उप विजेता कित्तूर रानी चन्नम्मा गर्ल्स सैनिक स्कूल कित्तूर एवं द्वितीय उप विजेता वेल्हम गर्ल्स स्कूल देहरादून और महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल जयपुर रहा। अंडर-17 श्रेणी: इस श्रेणी दिल्ली पब्लिक स्कूल मथुरा रोड विजेता रहा। वहीं प्रथम उपविजेता राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल जोधपुर, द्वितीय उप विजेता दिल्ली पब्लिक स्कूल आरकेपुरम और दलॉरेंस स्कूल लवडेल रहा। अंडर-19 श्रेणी: इस श्रेणी में मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड दिल्ली विजेता। वहीं, प्रथम उप विजेता डेली कॉलेज इंदौर। द्वितीय उप विजेता एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर और द असम वैली स्कूल तेजपुर रहा। व्यक्तिगत विजेता अंडर-14 श्रेणी में श्रेयसी मालवीय-द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर विजेता रहा। वहीं, प्रथम उप विजेता अश्मिता चौधरी महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल जयपुर एवं द्वितीय उप विजेता रेनी अग्रवाल-द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर और मानवी गुलेचा-राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल जोधपुर रहा। अंडर-17 श्रेणी में ज़नब सईद-दिल्ली पब्लिक स्कूल मथुरा रोड विजेता रहा। वहीं, प्रथम उप विजेता सानवी चुघ-दिल्ली पब्लिक स्कूल मथुरा रोड एवं द्वितीय उप विजेता रायना मनचंदा-दिल्ली पब्लिक स्कूल आरकेपुरम और शगुन सिंह राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल जोधपुर रहा। अंडर-19 श्रेणी किआ टंडन-मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड विजता रहा। वहीं, प्रथम उप विजेता हिमानी सरदार-मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड रहा। द्वितीय उप विजेता सानवी शर्मा-महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल जयपुर और इरा सत्पथी-वेलहम गर्ल्स स्कूल, देहरादून रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीएम सोलन कविता ठाकुर ने सभी लड़कियों को खेलने की भावना को और प्रबल करने का संदेश दिया एवं पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर को लड़कियों के खेल आयोजन के लिए सराहा एवं बधाई दी। वहीं, पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह नें भी सभी प्रतिभागियों एवं उनके प्रधानाचार्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया। हेड ऑफ़ स्पोर्ट्स मिस्टर सुरेंद्र मेहता नें भी इस टूर्नामेंट को सफल बनाने में सभी कोच एवं टीम मैनेजर्स का धन्यवाद किया।
-साथ लगते रिहायसी मकान को भी पहुंचा आंशिक नुकसान -मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवान, आग पर पाया काबू जोगिंदर नगर उप मंडल के ढेलू में देर रात करीब १२ बजे दुकान में आग लगने से दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान के साथ लगते एक रिहायसी मकान को भी आग से आंशिक नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी सोनू राम की दुकान में रात को शॉट सर्किट हो गया, जिसके चलते आग लग गई और उनका लाखों का नुकसान हो गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के जवान भी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगर समय रहते आग पर काबू न पाया होता तो एक बड़ी घटना भी घट सकती थी।
पुलिस थाना कुनिहार की एक टीम 30 सितंबर को गश्त पर थी तो शाम को सनोग गांव के पास कुनिहार-धर्मपुर सड़क पर दाहिने किनारे एक ट्रक खड़ा था। पुलिस टीम द्वारा शक के आधार पर उपरोक्त ट्रक को चेक किया गया तो ट्रक के अंदर एक कैरी बैग में रखे प्लास्टिक लिफाफे के अंदर 3 किलो 547 ग्राम चूरा पोस्त (भूक्की) पाया गया। ट्रक में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम गौरव सिंह पुत्र विक्रम सिंह गांव व डाकघर हरिपुर बताया। आरोपी के खिलाफ थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगामी जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश में राज्य चयन आयोग के गठन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अब हमीरपुर में चयन आयोग कार्य शुरू कर देगा और लंबित पड़ी भर्तियों की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। चयन आयोग का मुख्यालय हमीरपुर में होगा। 23 दिसंबर, 2022 को पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ था। पेपर लीक के कारण 26 दिसंबर, 2022 को प्रदेश सरकार ने चयन आयोग के कामकाज को निलंबित किया और उसके बाद 21 फरवरी, 2023 को कर्मचारी चयन आयोग को भंग कर दिया था। राज्य सरकार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने सिलसिलेवार 14 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में विजिलेंस थाना हमीरपुर में एफआईआर दर्ज की हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार देर शाम शिमला पहुंचें। वह चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से शाम करीब 7:30 बजे शिमला के छराबड़ा पहुंचे। सोनिया और प्रियंका गांधी 4 दिन पहले से शिमला में हैं। अब राहुल गांधी भी मध्य प्रदेश चुनाव की थकान मिटाने वीकेंड पर यहां पहुंचे। पार्टी सूत्रों की माने तो वह अगले कुछ दिन छराबड़ा में रुक सकते हैं और यही से देश की राजनीति पर नजर रखेंगे। हालांकि आधिकारिक तौर पर राहुल का कोई प्रोग्राम नहीं है। प्रियंका गांधी का घर है छराबड़ा में छराबड़ा में प्रियंका गांधी ने कल्याणी हेलीपैड के समीप देवदार के घने जंगल के बीच पहाड़ी शैली में अपना घर बना रखा है। प्रियंका गांधी साल में पांच से छह बार यहां आती हैं। सोनिया गांधी और बीच में राहुल गांधी भी छराबड़ा आते रहे हैं। इससे पहले भी राहुल गांधी का 15 अगस्त को कुल्लू में आपदा प्रभावितों से मिलने का कार्यक्रम था, लेकिन तब भारी बारिश से हुई तबाही के कारण वह नहीं आ पाए थे।
जिला कांगड़ा पुलिस से पांच पुलिस कर्मचारी पाल सिंह (सहायक उप निरीक्षक), सरदारी लाल (मानक सहायक उप निरीक्षक), गुरमीत सिंह (मानक सहायक उप निरीक्षक), रजनीश कुमार (मानक सहायक उप निरीक्षक), विद्या भूषण (कुक) पुलिस विभाग में अपनी अमूल्य सेवाएं देने के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज़िला कांगड़ा (शहरी) वीर बहादुर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एएसपी वीर बहादुर, पुलिस उप अधीक्षक (कार्यालय पुलिस अधीक्षक कांगड़ा) आरपी जसवाल, पुलिस उप अधीक्षक (कार्यालय पुलिस अधीक्षक कांगड़ा) निशा कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस विदाई समारोह में पुलिस लाईन धर्मशाला में कांगड़ी धाम का आयोजन भी किया गया। इस कांगड़ी धाम में सेवानिवृत्त कर्मचारी, इनके साथ आए परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, ज़िला कांगड़ा के अधिकारी व कर्मचारी तथा पुलिस लाईन के मुलाजमान शामिल रहे।
-6 करोड़ 71 लाख के विकास कार्यों के शिलान्यास व उद्घाटन किए -बोले, शिक्षा क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए सरकार प्रयासरत शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 6 करोड़ 71 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास व उद्घाटन किया। उन्होंने इस दौरान विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में 3 करोड़ 95 लाख की लागत निर्मित बीबीए और बीसीए ब्लॉक के भवन का उद्घाटन कर उसे विद्यार्थियों को समर्पित किया। शिक्षा मंत्री ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजपुर में 126.39 लाख की लागत से बनने वाले साइंस भवन तथा 149.40 लाख की लागत से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पालमपुर में बनने वाले सार्वजनिक पुस्तकालय और परीक्षा भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्य संसदीय सचिव व विधायक पालमपुर आशीष बुटेल भी उनके साथ रहे। शिक्षा मंत्री ने पालमपुर महाविद्यालय में अपने संबोधन दौरान कहा कि इस भवन के बन जाने से इलाके के हजारों छात्रों को इसका लाभ प्राप्त होगा और वे अच्छे वातावरण में शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश के विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने कहा आज प्रदेश के युवाओं को राज्य में ही अच्छी शिक्षा ग्रहण करने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। रोहित ठाकुर ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पालमपुर की छात्राओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए 21 हजार रुपए की राशि दी। सीपीएस व स्थानीय विधायक आशीष बुटेल ने विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में एमएससी जूलॉजी, एम.ए हिंदी और एम.ए इंग्लिश की कक्षाएं शुरू करने के लिए शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की दीवार और सौंदर्यीकरण पर 23 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। सेंट पॉल स्कूल के शताब्दी कार्यक्रम में की शिरकत पालमपुर स्थित सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शताब्दी संगम समारोह के अवसर पर शिक्षा मंत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर बच्चों के साथ समय व्यतीत किया। सीपीएस आशीष बुटेल कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्कूल के छात्रों और अध्यापकों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रों ने स्कूल के इस 100 साल के सफर को 10 दशकों में बांटकर प्रत्येक दशक में स्कूल और पूरे देश में होने वाले मुख्य आकर्षक कार्यों को नाटक के माध्यम से मुख्य अतिथि के समक्ष पेश किया। शिक्षा मंत्री ने स्कूल प्रशासन और विद्यार्थियों को उनके कार्य के लिए बधाई दी। इस दौरान स्कूल प्रशासन की तरफ से स्कूल के प्रधानाचार्य ने प्रदेश में आपदा के चलते मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 लाख 11 हजार रुपए की राशि शिक्षा मंत्री को भेंट की। सीपीएस आशीष बुटेल ने अपने संबोधन दौरान स्कूल के इतिहास के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि इस स्कूल ने बच्चों को एक अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ अनेक सामाजिक कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिताजी और वह स्वयं भी इस स्कूल के छात्र रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1, 2 व 3 अक्तूबर को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत सोलन के कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 1 अक्तूबर को प्रात: 9 बजे से सायं 6 बजे तक कोहारी, सैंज, कोटला, कसौली, तुंदल, शडोग, डीडीआई, आंजी, कियार, थाना, बदोल, बदोन, कलहोग एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि 2 अक्तूबर को खडयाना, खाली, च्योंथ, शिलारू एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। 3 अक्तूबर, 2023 को प्रात: 9.00 बजे से सांयं 6.00 बजे तक साधुपुल, बिणू, थारोल, रूरा, भगेटु, द्रागटु एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति तथा अन्य कारणों से उपरोक्त तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
-स्वयंसेवी संस्था हेल्पएज इंडिया ने निकाली रैली सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से आज जिला सोलन के कल्याण भवन में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव ने की। अजय कुमार यादव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज का आधार है। वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों से हम सब अपने जीवन को और बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग उम्र के इस पड़ाव पर भी समाज व देश के निर्माण में अपने अनुभवो से महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्रलाय नई दिल्ली से आए अजय, ज़िला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी तथा तहसील कल्याण अधिकारी सुरेंदर सिंह ने भी अपने विचार साझा किए। समारोह में ज़िला के अंतर्गत चलाए जा रहे विभिन्न डे केयर केंद्रों के सदस्यों ने भाग लिया व अपने-अपने विचारों का आदान प्रदान किया। स्वयंसेवी संस्था हेल्पएज इंडिया द्वारा वृद्ध दिवस के अवसर पर सोलन में पुराना बस अड्डे से पुराना उपायुक्त कार्यालय तक शेड्स कॉलेज ऑफ लॉ की छात्राओं द्वारा रैली का आयोजन किया गया। वॉकथॉन का उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति सम्मान और देखभाल को बढ़ावा देना और समाज में उनके योगदान को स्वीकार करना था। वॉकथॉन के दौरान छात्रों ने बुजुर्गों के प्रति सम्मान का संदेश दिया और लोगों से बुजुर्गों का सम्मान करने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया। रैली में स्वयं सेवी संस्था हेल्पएज के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी मनोज राज वर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता डॉ. राजेश शर्मा ने भाजपा पर निचले हिमाचल के 4 जिलों कांगड़ा, चंबा, मंडी व हमीरपुर को रेलवे कनेक्टिविटी के मामले में पिछे रखने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले बीते जुलाई माह से पठानकोट-जोगिंदरनगर रेलवे लाइन पर ट्रेन नहीं चल रही है। इससे इन क्षेत्र के हजारों कर्मचारी, छात्र, किसान और बागवान प्रभावित हो रहे हैं। लेकिन, केंद्र की सत्ता में बैठी भाजपा और कांगड़ा-चंबा व हमीरपुर के सांसदों को कोई चिंता ही नहीं है। पठानकोट से जोगिंदरनगर रेल मार्ग के माध्यम से हर वर्ष हजारों श्रद्धालु इन दिनों शक्तिपीठों माता बज्रेश्वरी, मां चामुंडा व मां ज्वाला जी के दर्शनों के लिए पठानकोट से जसूर, फतेहपुर, जवाली, नगरोटा सूरियां और रानीताल से कांगड़ा होते हुए बैजनाथ व जोगिंदरनगर की तरफ जाते हैं। सस्ता और सुगम यातायात व्यवस्था होने के चलते अधिकतर लोग रेल मार्ग से ही आना-जाना पसंद करते हैं। लेकिन, निचले हिमाचल को बड़ी सुविधा देने वाले कांगड़ा रेल मार्ग पर बरसात में पड़े छोटे-छोटे ल्हासों को हटाने और रेलवे लाइन की मरम्मत करवाने के लिए रेलवे पर दबाव बनाने के लिए न तो भाजपा के सांसद ध्यान दे रहे हैं और ना ही केंद्र सरकार गंभीर है। डॉक्टर राजेश शर्मा ने इसे भाजपा की बड़ी विफलता बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल के लोगों को मात्र वोट बैंक के रूप में देखती है। अगले साल लोकसभा चुनाव में जनता इस अनदेखी के लिए भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 2 अक्तूबर को सोलन जिला के प्रवास पर आ रहे हैं। वे दोपहर 12.30 बजे ग्राम पंचायत मशीवर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला के अतिरिक्त आवास भवन का लोकार्पण करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री तदोपरांत कोटला में मेला मैदान एवं खेल मैदान की आधारशिला रखेंगे। डॉ. शांडिल तत्पश्चात कोटला में गांधी जयंती तथा लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित मेले में मुख्यातिथि होंगे।
-उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने की अमूल्य योगदान की सराहना धर्मशाला उपमंडल के सराह के सात वर्षीय शिवांग शर्मा ने आज यहां उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल को आपदा राहत कोष में अंशदान के लिए अपनी गुल्लक भेंट कर 3926 रुपये का योगदान दिया। शिवांग शर्मा सेक्रेड हार्ट स्कूल सिद्वबाड़ी में दूसरी कक्षा का छात्र है। शिवांग के पिता रणधीर सिंह तथा माता स्मृति नरयाल ने बताया कि आज उसका जन्म दिन भी था तथा स्वप्रेरणा से उसने आपदा राहत कोष में वर्ष भर अपनी गुल्लक में इक_े किए पैसे देने का निर्णय लिया था। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने इस अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए कहा कि छोटे-छोटे बच्चे भी आपदा प्रभावित लोगों की तकलीफों को कम करने में अपना योगदान देकर इस नेक काम में बखूबी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिवांग का यह प्रयास हिमाचल के लोगों की जीवटता एवं संवेदनशीलता को दर्शाता है और समस्त समाज के लिए अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि संगठन के नेताओं को सरकार में कोई मान-सम्मान मिले, इसके लिये मुख्यमंत्री से आग्रह किया जाएगा। उन्होंने सेवादल की बैठक में सेवादल की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि सेवादल कांग्रेस की रीढ़ है और इसे पूरा मान सम्मान दिया जाना चाहिए। सेवादल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा है कि संगठन के सभी कार्यों में सेवादल का अहम योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में संगठन के लोगों की बहुत ज्यादा जिम्मेदारी बढ़ जाएगी। आज राजीव भवन में सेवादल की एक समीक्षा बैठक में मुख्यातिथि शिरकत करते हुए प्रतिभा सिंह ने सेवादल की पीठ थपथपाते हुए कहा कि इस संगठन ने हमेशा से कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए विकट परिस्थितियों में भी सराहनीय कार्य किए हैं। इससे पूर्व कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने प्रतिभा सिंह का अभिनंदन करते हुए सेवादल की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं, चिंतपूर्णी के विधायक कांग्रेस सेवादल यंग बिर्गेड के अध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सेवादल के पदाधिकारियों को सरकार में उचित मान सम्मान मिले इसके लिये मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल एक बहुत ही कर्मठ व मजबूत संगठन है जो पार्टी की सेवा में तन-मन से लगा रहता है।
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रलाय द्वारा हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर के गांव छितकुल को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव-2023 के लिए सम्मानित किया गया। उपमंडलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता ने जिला पर्यटन विभाग की ओर से नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में इस पुरस्कार को पर्यटन एवं रक्षा राज्य मंत्री अजय भट से प्राप्त किया। जिला किन्नौर का छितकुल गांव हिमाचल प्रदेश का एक मात्र गांव है, जिसे यह सम्मान दिया गया। उल्लेखनीय है कि पर्यटन मंत्रालय की हालिया पहल ट्रैवल फॉर लाइफ भारत सरकार की टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन ने वैश्विक एकता और सहयोग बनाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया गया और सम्मेलन में हुए विचार-विमर्श ने स्थायी भविष्य के लिए राष्ट्रों की सामूहिक आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित किया है। उपमंडलाधिकारी ने प्रत्येक सैलानी, प्रत्येक व्यवसाय और हर एक नागरिक से इस कार्यक्रम को अपनाने और जिम्मेदारी से यात्रा करने, हमारे पर्यावरण का सम्मान करने और हमारी दुनिया को इतना खूबसूरत बनाने वाली विविध संस्कृतियों को समझने और सराहने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ट्रैवल फॉर लाइफ कार्यक्रम मिशन लाइफ का एक हिस्सा है जो हमारी धरती को टिकाऊ बनाने का मार्ग प्रशस्त करता है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां जानकारी दी कि राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए उपभोक्ताओं के राशन कार्डों में उनकी आधार संख्या पंजीकृत की जा रही हैं। ई-के.वाई.सी. के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि राशन कार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम, जन्म तिथि तथा लिंग, आधार में दर्ज डाटा के अनुसार ही हो। इस प्रक्रिया में आम जनता का विभाग को पूर्ण सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गत दिनों में हुई भारी वर्षा व आधार से सम्बन्धित तकनीकी समस्याओं के मद्देजर विभाग द्वारा आधार संख्या पंजीकृत व ई-के.वाई.सी. करवाने की तिथि 30 सितंबर तक बढ़ाई गई थी, परंतु अभी भी कुछ उपभोक्ताओं द्वारा किसी कारणवश उनके राशन कार्डों में उनकी आधार संख्या को पंजीकृत नहीं किया जा सका है। ऐसे उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ई-के.वाई.सी. अपडेट करने की तिथि को 31 अक्टूबर तक बढ़ाया गया है। इसलिए उपभोक्ताओं से आग्रह है कि अपनी नजदीकी उचित मूल्य की दुकान पर जाकर ई-के.वाई.सी. की प्रक्रिया निर्धारित तिथि से पहले करवाएं। यदि कोई अपना आधार 31 अक्तूबर, 2023 तक जमा नहीं करवाता है तो उनके राशन कार्ड को अस्थाई रूप से बंद कर दिया जाएगा तथा आधार उपलब्ध करवाने के बाद ही राशन कार्ड को फिर से शुरू किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त लाभार्थी विभाग से नवीनतम, सक्रिय मोबाईल नम्बर साझा कर खाद्यान्नों संबंधित सूचना प्राप्त कर सकते हैं। उपभोक्ता विभागीय वेबसाइट एवं पारदर्शिता पोर्टल http://epds.co.in पर राशन कार्ड में अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं।
-शहर के साथ गांवों में रास्ते, सुरक्षा दीवारों व पुलियों का नेटवर्क और होगा मजबूत -कहा, बरसाती नुकसान की भरपाई करने में सहन नहीं होगी कोताही हिमाचल में आई आपदा का साइलेंट रहकर तगड़ा प्रबंधन करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने धर्मशाला हलके विभिन्न स्थानों के लिए एक साथ 24 कामों का बजट मंजूर करवा दिया है। लाखों रुपये का बजट मंजूर होने के बाद यह पैसा रास्ते, सुरक्षा दीवारों व पुलियों का नेटवर्क मजबूत करने पर खर्च होगा। जनता ही जनार्दन के अपने स्लोगन को साकार करते हुए सुधीर शर्मा ने धर्मशाला में जारी बयान में इस बात का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ताजा मंजूर कार्यों में मंदल पंचायत में महिंद्र सिंह व अन्य की जमीन के पास गांव भड़वाल में 1.5 लाख से रास्ता बनाया जाएगा। मंदल पंचायत में ही इंद्रजीत के घर से जोगिंद्र सिंह व अन्य की जमीन तक गांव भड़वाल में 2.5 लाख से रास्ता बनेगा। उन्होंने बताया कि बरवाला पंचायत में कुलदीप कुमार, पुरुषोत्तम लाल , हेमराज की जमीन तक 2.5 लाख से सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। टंग नरवाणा पंचायत में भी डेढ़ लाख से सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। इस पर डेढ़ लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। यह सुरक्षा दीवार अनिल कुमार , विजय कुमार ,एवम अन्य के घर के पास वार्ड नं 5 पंचायत टंग नरवाना में बनेगी। टंग नरवाणा पंचायत में ही मेन रोड से राम कुमार के घर की ओर वार्ड 2 में 3 लाख से रास्ता बनेगा। भागसूनाग में सवा लाख से सुरक्षा दीवार लगेगी। यह सुरक्षा दीवार संतोष कुमारी एवम देश राज के घर के पास वार्ड 2 में लगेगी। सुक्कड़ पंचायत में मेन रोड स शेर सिंह के घर की ओर वार्ड 2 में डेढ़ लाख से रास्ता बनेगा। तंगरोटी खास पंचायत में दो लाख से मेन रोड से श्मशानघाट की ओर पक्का रास्ता बनाया जाएगा। रक्कड़ पंचायत में लिंक रोड से सुदेश कुमार एवम अन्य के घर की ओर 1 लाख से रास्ता बनेगा। पंचायत तंगरोटी में डेढ़ लाख से पुली बनेगी। यह पुली व नाली हीरा लाल के घर से लिंक रोड की ओर वार्ड 7 में बनेगी। रक्कड़ पंचायत में लिंक रोड से एक लाख से पक्का रास्ता बनेगा। उक्त रास्ता अशोक कुमार के घर की ओर वार्ड 3 में बनेगा। सुक्कड़ पंचायत में राहुल कुमार के घर की ओर वार्ड 2 में 1.5 लाख से जीपेबल रोड बनेगा। बगली पंचायत में केसीसी बैंक की ओर से एक लाख रुपए से हरमान सिंह , माया देवी के घर की ओर वार्ड 2 में रास्ता बनेगा। चैतड़ू पंचायत में मेन रोड वार्ड तीन से सुरेेंद कुमार के घर की ओर 1 लाख रुपए रास्ते पर खर्च होंगे। लिंक रोड सुक्कड़ से राजकीय उच्च विद्यालय सुक्कड़ की ओर 2 लाख रुपए रास्ते पर खर्च होंगे। बाघणी पंचायत में सुभाष चन्द के घर से राकेश कुमार के घर की ओर वार्ड न0 8 में 1 लाख से नाली बनेगी। कंड करडियाणा पंचायत में मेन रोड से मेहरी देवी एवं अन्य घर की ओर वार्ड 4 में 1 लाख की इंटरलॉकिंग टाइल लगेंगी। टंग नरवाणा पंचायत में भट्ट मोहल्ला वार्ड 1 से नरवाना चौक की 2 लाख से पक्का रास्ता बनेगा। मनेड पंचायत में मेन रोड से शीतला माता मंदिर की ओर एक लाख से इंटरलॉक टाइल लगेंगी। बरवाला पंचायत में रणजीत सिंह, सरवन कुमार के घर के पीछे वार्ड 7 में 1.25 लाख से सुरक्षा दीवार बनेगी। ढगवार पंचायत में एक लाख से मोक्षधाम का सौंदर्यीकरण होगा। नरवाणा पंचायत में डेढ़ लाख रुपए से पंचायत घर से सुंडल नाले तक वार्ड 4 में 1.5 लाख से रास्ता बनेगा। नरवाणा खास में भागो देवी एवं अन्य के जमीन के साथ वार्ड 4 में 1.5 लाख से पुली बनेगी। पंचायत टऊ में भी डेढ़ लाख रुपए पुलिया के लिए मंजूर हुए हैं। वार्ड नंबर तीन में यह काम होगा। काम में कोताही सहन नहीं होगी सुधीर शर्मा ने कहा कि अभी सैकड़ों अन्य कार्यों की औपचारिकताएं भी पूरी की जा रही हैं। जल्द ही अन्य कार्यों को भी मंजूरी मिलेगी। धर्मशाला हलके में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एकसमान विकास करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में प्रशासनिक, कृषि, बागबानी, भू संरक्षण,जलशक्ति, पीडब्ल्यूडी आदि सभी विभागों के अधिकारियों को आपदा से जुड़े प्रस्तावों पर तेजी से काम करने को कहा गया है। काम लटकाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- सरकार ने आपदा प्रभावितों के लिए किया बड़ा ऐलान -3500 करोड़ के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के प्रभावितों के लिए सरकार ने विशेष आर्थिक राहत पैकेज की घोषणा की है, जो 7 जुलाई से 30 सितंबर तक लागू होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर आपदा से प्रभावितों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए 3500 करोड़ की विशेष आर्थिक राहत पैकेज का ऐलान किया है। इसके अतिरिक्त 1000 करोड़ मनरेगा के तहत भी डंगो के निर्माण के लिए दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेष राहत पैकेज के मैनुअल में बड़े बदलाव किए गए हैं। आपदा से कच्चे पक्के 3000 के करीब घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं, उनके लिए सरकार अब 1 लाख 30 हजार की जगह 7 लाख रुपये की राहत के साथ घर निर्माण के लिए बिजली-पानी मुफ्त और सरकारी दाम पर सीमेंट उपलब्ध करवाएगी। इसके अलावा 13000 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए भी एक लाख दिया जाएगा। जिन भूमिहीनों के मकान गिर गए हैं, उनके लिए 2 बिस्वा शहरी क्षेत्रों और 3 बिस्वा ग्रामीण क्षेत्रों में घर बनाने के लिए जमीन दी जाएगी। फसलों के नुकसान की मुआवजा राशि को भी बढ़ाया गया है। गौशाला के निर्माण के लिए 3 हज़ार की जगह 50 हज़ार, गाय, भैंस की मौत पर 37 हज़ार से 55 हजार और भेड़-बकरी की मौत पर 4000 से 6500 रुपये दिए जाएंगे।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण किन्नौर द्वारा जिला में स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण मिशन-2023 द्वारा करवाए गए सर्वेक्षण में जिला में जिला और खण्ड स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली 6 पंचायतों को सम्मानित करने के लिए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें उपायुक्त किन्नौर तोरूल रवीश ने कल्पा खण्ड की चांसू ग्राम पंचायत को 2000 तक की आबादी में जिला भर में प्रथम स्थान, कल्पा की ही सांगला पंचायत को जिला स्तर पर 2000 से 5000 तक की आबादी के लिए प्रथम पुरस्कार, खण्ड स्तर पर कल्पा की खवांगी पंचायत को प्रथम पुरस्कार, पूह की चारंग पंचायत को 2000 की आबादी में खंड स्तर पर प्रथम, निचार की छोटा-कम्बा पंचायत को 2000 तक की आबादी में प्रथम स्थान, निचार की ही बरी पंचायत को 2000 से 5000 तक की आबादी वाले सर्वेक्षण में प्रथम पुरस्कार के साथ सम्मानित किया। उपायुक्त ने जिला की इन 6 पंचायत के प्रधानों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस सर्वेक्षण में जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली पंचायत को 3 लाख और खण्ड स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली पंचायत को 01 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस राशि को स्वच्छता को और बेहतर करने के लिए खर्च करें। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि जिला किन्नौर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए घरों और दुकानों से निकलने वाले कूड़े-कचरे का सही निपटारा करने के लिए प्लास्टिक, कागज, शीशा और लोहा को अलग-अलग रखें। इस अवसर पर सहायक आयुक्त संजीव कुमार भोट, बीडीओ निचार विजय नेगी, प्रधान सांगला देव सांकी, उपप्रधान लोकेश, प्रधान ग्राम पंचायत चांसू बीरबल सिंह, उपप्रधान धर्म प्रकाश, प्रधान ग्राम पंचायत छोटा-कम्बा स्नेह लता, प्रधान ग्राम पंचायत बरी छुनिद डोलमा, प्रधान ग्राम पंचायत चारंग सुशील कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल आज सोलन ज़िला की ग्राम पंचायत ममलीग स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में 19 वर्ष से कम आयुवर्ग की जिला स्तरीय छात्र खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। डॉ. शांडिल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वालो छात्रों को स्मृति चिन्ह व उत्कृष्टता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग में 28 से 30 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय ज़िला स्तरीय छात्र प्रतियोगिता में 60 स्कूलों के 514 खिलाड़ियों ने भाग लिया। ज़िला स्तरीय प्रतियोगिता में सांस्कृतिक कार्यक्रम, कबड्डी, वॉलीवाल, खो-खो, योग, भाषण कुश्ती इत्यादि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सायरी के पंकज प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट के कार्तिक द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग के भूमेश तृतीय स्थान पर रहे। एकल गायन प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन पहले तथा राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की दूसरे स्थान पर रहे। शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्दन प्रथम तथा राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की द्वितीय स्थान पर रहे। समूह गान प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्दन पहले तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांजू दूसरे स्थान पर रहे। वाद्य यंत्र संगीत प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोजनगर प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांजू द्वितीय स्थान पर रहे। वन एक्ट प्ले प्रतियोगिता में राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की की टीम विजेता रही। लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सायरी की टीम विजेता रहे। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की के हर्ष को प्रदान किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुरा प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजैहरा द्वितीय स्थान पर रहे। वॉलीबाल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग पहले तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुल्लरवाला दूसरे स्थान पर रहे। बैडमिंटन प्रतियोगिता में एमआरए डीएवी सोलन प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी द्वितीय स्थान पर रहे। कुश्ती प्रतियोगिता में नवज्योति विद्यालय नालागढ़ प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा महलोग द्वितीय स्थान पर रहे। योग प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी देवरा पहले तथा शिवालिक स्कूल खरौडी दूसरे स्थान पर रहे। खो-खो प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुमैहर द्वितीय स्थान पर रहे। मार्चपास्ट प्रतियोगिता में राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन पहले तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने कुश्ती प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों के विजेताओं को भी सम्मानित किया। खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान हरि चंद, ग्राम पंचायत सतडोल के प्रधान हरविंद्र, ग्राम पंचायत जधाणा के प्रधान किशोर कुमार, ग्राम पंचायत ममलीग के उप प्रधान संदीप ठाकुर, बीडीसी उपाध्यक्ष हेमा तनवर, खण्ड कांग्रेस समिति के महासचिव भूमिनंद, जिला खेल अधिकारी सविंदर कैथ, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अल्पना कौशल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग के उप प्रधानाचार्य कमल शर्मा, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, अध्यापक तथा खिलाड़ी इस अवसर पर उपस्थित थे।
उद्योग, संसदीय कार्य तथा आयुष मंत्री हर्षवर्धन चैहान प्रथम अक्तूबर को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। वह सायं 07.30 बजे सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में 19वें हिमाचल उत्सव में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। हिमाचल उत्सव का आयोजन डायनामिक इंडिया युवा मंडल सोलन द्वारा किया जा रहा है।
-आधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए 12.65 करोड़ किए जारी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां पुलिस मुख्यालय में आयोजित हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य आपदा मोचन बल को और सुदृढ़ एवं सशक्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इस बल को आधुनिक तकनीक एवं उपकरणों से सुसज्जित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने राज्य आपदा मोचन बल को आधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए लगभग 12 करोड़ 65 लाख 45 हजार रुपये की राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल आपदा संभावित क्षेत्रों में शामिल है और इस तरह के कदम आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में और तेजी लाने में सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में एसडीआरएफ की तीन कम्पनी तैनात हैं। इस बल के जवानों को प्रशिक्षित करने एवं उनके क्षमता निर्माण के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ को अत्याधुनिक बनाने में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में आई आपदा से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने गत तीन माह में लगभग 750 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हाल ही में बरसात के दौरान आई आपदा में एसडीआरएफ ने बेहतरीन कार्य करते हुए बहुमूल्य मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की है। राजधानी शिमला के फागली तथा समरहिल में इस बल के सदस्यों ने फंसे हुए लोगों को निकालने में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त मण्डी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के कुकलाह, पंडोह तथा हणोगी इत्यादि विभिन्न क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने में एसडीआरएफ जवानों के प्रयास अनुकरणीय रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ ने सेना और एनडीआरएफ के साथ मिलकर विभिन्न बचाव अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इसके लिए सभी जवान बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में संभवतया आज तक की सबसे बड़ी त्रासदी से निपटने में मुख्यमंत्री ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया। उनके दिशा-निर्देशन में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्यों में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। इससे पहले पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और एसडीआरएफ को उपकरणों की खरीद के लिए समुचित राशि प्रदान करने पर उनका व प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस बार की आपदा से निपटने में प्रदेश सरकार और यहां के लोगों ने साहस एवं संवेदनशीलता का परिचय दिया है। हिमाचल ने यह भी दिखाया कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश बचाव अभियानों के साथ त्वरित राहत पहुंचाने में सदैव प्रभावितों के साथ खड़ा है। राज्य आपदा मोचन बल की पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज़ ने शिमला के समरहिल व फागली सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में एसडीआरएफ द्वारा संचालित अभियानों पर आधारित एक प्रस्तुतिकरण दिया। कार्यक्रम के दौरान एसडीआरएफ शिमला से कांस्टेबल विकास मोहन, मंडी से हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार, नवीन कुमार व बलविंद्र सिंह, कांगड़ा से हेड कांस्टेबल पंकज, कांस्टेबल विशाल व रजत ने विभिन्न बचाव अभियानों के दौरान अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर विधायक यादविंद्र गोमा व अजय सोलंकी, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान व उप महापौर उमा कौशल, सचिव गृह अभिषेक जैन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सतवंत अटवाल सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने संसद व विधानसभा में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण कानून बनने पर महिलाओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिलाओं के अधिकारों व उनके सशक्तिकरण के लिये कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही संसद व विधानसभाओं में महिलाओं के आरक्षण की आवाज को बुलंद किया था। 1989 तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व राजीव गांधी ने नगर निकायों व पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण निहित किया था। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश महिला कांग्रेस की एक समीक्षा बैठक में बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने प्रदेश महिला कांग्रेस के कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती में महिला कांग्रेस का बहुत बड़ा योगदान हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने घरों की जिम्मेदारी के साथ साथ संगठन के दायित्व को जिस प्रकार पूरी ईमानदारी से निभा रही है इसके लिए वह बहुत ही बधाई की पात्र हैं। प्रतिभा सिंह ने देश मे आगामी लोकसभा चुनावों को इंगित करते हुए कहा कि देश मे भाजपा की सरकार में जिस प्रकार की तानाशाही चल रही है वह बहुत ही चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि देश के लोग बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से परेशान है। उन्होंने कहा कि हमें इन्ही मुद्दों के साथ लोगों के बीच जाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों ने कांग्रेस को अपना पूर्ण बहुमत दिया है। प्रदेश में कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनी है। यह सब पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं की बदौलत ही हुआ हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि अब लोकसभा चुनावों में भी पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। पार्टी के सभी लोगों को एकजुटता के साथ अभी से चुनाव मैदान में उतरना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की शानदार जीत होगी और देश मे कांग्रेस इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। इससे पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रदेश हाई कमान व केंद्रीय आला कमान से जो भी निर्देश उन्हें मिलते है उसे महिला कांग्रेस पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाती आई है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की कमान एक महिला के पास है जो केंद्र में हमारी सांसद भी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में उन्हें जो भी दिशानिर्देश मिलेंगे उन्हें वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा करेंगी। प्रदेश महिला कांग्रेस की बैठक में प्रतिभा सिंह को अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की स्थाई आमंत्रित सदस्य बनने पर उन्हें बधाई दी और कांग्रेस हाई कमान का उनकी नियुक्ति के लिए आभार व्यक्त किया। बैठक में प्रदेश महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्षों के अतिरिक्त अनेक जिलों व ब्लॉकों की पदाधिकारी मौजूद थी।
-जिला परिषद कैडर कर्मियों ने कांग्रेस को याद दिलाया अपना वादा जिला परिषद कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में मर्ज करने को लेकर जिला परिषद कैडर कर्मचारी अधिकारी महासंघ ने सरकार को एक बार फिर से अल्टीमेटम दे दिया। महासंघ ने कहा है कि जब तक कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में मर्ज नहीं किया तब तक पेन डाउन स्ट्राइक जारी रहेगी। विकास खंड कुनिहार इकाई अध्यक्षा विजय लक्ष्मी नेगी ने बताया की विकास खंड कुनिहार में जिला परिषद कैडर के अंतर्गत कार्यरत कनिष्ठ अभियंता 50 ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिव एवं सभी 56 पंचायतों के तकनीकी सहायक सरकार द्वारा चुनाव पूर्व दिए गए आश्वासन के अनुरूप सभी अधिकारियों/कर्मचारियों का विभाग में विलय न किए जाने के विरोध में पेन डाउन स्टाइक कर रहे हैं। कर्मचारी 25 जून 2022 की तरह पुन: अनिश्चितकालीन कलम छोड़ो हड़ताल पर बैठ गए हैं तथा हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक सरकार सभी जिला परिषद अधिकारियों/ कर्मचारियों का विभाग में विलय करने की अधिसूचना जारी नहीं करती। यद्यपि हमें भी ज्ञात है कि प्रदेश अभी हालिया भारी बारिश से हुई त्रासदी से उभर नहीं पाई है, तथापि हम एक दीर्घ अवधि से स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। हमने अपनी उपरोक्त मांग को लेकर अनेकों दफा अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार से बैठक वार्ता भी की है तथा इसी संदर्भ में 19 सितंबर, 2023 को अंबेडकर चौक शिमला में विशाल वादा याद दिलाओ रैली आयोजित की थी, जिसमें प्रदेश भर से जिला परिषद कैडर के करीब 3500 अधिकारियों/ कर्मचारियों ने भाग लिया था।
-महिला आरक्षण कानून देकर प्रधानमंत्री ने महिलाओं का बढ़ाया सम्मान -प्रदेश सह मीडिया प्रभारी ने केंद्र सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया लोकसभा व विधानसभा सीटों पर 33 प्रतिशत महिलाओं का जीतना मोदी सरकार ने सुनिश्चित कर दिया है। महिला आरक्षण कानून देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं का मान सम्मान बढ़ाया है। हमीरपुर से जारी प्रेस बयान में भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को एक कानून के रूप में लागू करवा के मोदी सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के महिला सशक्तिकरण के विचार को पूरा करके दिखाया है। महिला आरक्षण कानून बनाकर देश की महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ाने के अनेकों अवसर मोदी सरकार ने उपलब्ध करवा दिए हैं जिसके लिए केंद्र सरकार बधाई की पात्र है। अंकुश दत्त शर्मा ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। अंकुश दत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव महिलाओं के हितों की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है महिलाओं को आर्थिक सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है महिला सशक्तिकरण को ध्येय मानकर भारतीय जनता पार्टी की सरकारें काम करती हैं। वर्ष 2008 में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में महिलाओं को 50त्न आरक्षण देकर उनका मान सम्मान बढ़ाया था। अंकुश दत्त शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा एवं लोकसभा में महिलाओं की उपस्थिति जहां सम्मानजनक संख्या में बढ़ेगी तो वही आम जनमानस को भी नारी शक्ति का नेतृत्व राजनीतिक दृष्टि से अधिक संख्या में मिलेगा इसके लिए वह महिलाओं को भी बधाई और शुभकामनाएं देते हैं।
भारतीय जनता पार्टी मंडल हमीरपुर की आज सर्व हित सुधार सभा की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में ग्राम केंद्रों के अध्यक्ष और प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ सशक्तिकरण अभियान के लिए नियुक्त प्रभारी रघुबीर सिंह ठाकुर और वोटर पुनर्निरीक्षण प्रभारी पवन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष आदर्शकांत शर्मा ने की। इस अवसर पर पूर्व एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा और पूर्व में कौशल विकास निगम के कोऑर्डिनेटर रहे नवीन शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में ग्राम केंद्र अध्यक्षों को अपने-अपने ग्राम केंद्र के अंतर्गत आने वाले सभी बूथों पर सशक्तिकरण अभियान को जल्द से जल्द पूरा करने का आह्वान किया गया। रघुबीर सिंह ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ता बूथ मजबूत करने के लिए जुट जाएं।मंडल के प्रत्येक ग्राम केंद्र पर पार्टी का कार्यक्रम संपन्न होना चाहिए, कार्य करने में कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी, जिनको जो जिम्मेदारी दी गई है वह पार्टी के सच्ची निष्ठा और लगन के साथ पार्टी का काम करें और बूथ सशक्तिकरण अभियान में जुट जाएं। वहीं वोटर पुर्ननिरीक्षण प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि सभी कार्यकर्ता वोटर लिस्ट के साथ घर-घर पहुंचेंगे और बोगस मतदाताओं को सूची से बाहर करवाएंगे और नए मतदाताओं को वोटर बनाएंगे। इस कार्य में कार्यकर्ताओं की तीन जिम्मेदारियां होंगी- मतदाता सूची का सत्यापन, नए मतदाता का पंजीकरण और पुरानी मतदाता सूची में सुधार। इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी विकास शर्मा जिला उपाध्यक्ष विजयपाल सिंह सोहारू ,मंडल महामंत्री सुरेश सोनी व राजेश ठाकुर,मंडल सचिव जोगिंदर, मंडल उपाध्यक्ष मलका धीमान, बिमला शर्मा, मीना ठाकुर,मंडल मीडिया प्रभारी विक्रांत भारद्वाज, प्रवक्ता विक्रम बनयाल, गज्जन राम शर्मा, होशियार सिंह, उषा बिरला, सोशल मीडिया संयोजक सौरव शर्मा,शहरी इकाई अध्यक्ष मुनीश पुरी, जितेंद्र एवं मंडल कार्यकरिणी सदस्य व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पुलिस थाना रक्कड़ के अंतर्गत अप्पर कलोहा में शनिवार को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 24 बोतल अंग्रेजी शराब रॉयल स्टैग बरामद की है। रक्कड़ पुलिस के थाना प्रभारी गुरदेव सिंह खुद ट्रैफिक चेकिंग के दौरान मौजूद थे। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने स्क्वाड्रन लीडर टूलिका रानी (सेवानिवृत्त) की उपस्थिति में एक गुरु टॉक सत्र का आयोजन किया। एवरेस्टर पर्वतारोही, अंतरराष्ट्रीय प्रेरक वक्ता, लेखिका, महिला सशक्तिकरण के लिए भारत की राजदूत, विश्व लीडर समिट की प्रतिभागी और यूपी की जी-20 ब्रांड एंबेसडर सहित अपनी बहुमुखी उपलब्धियों के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने असफलताओं को सफलता की दिशा में अपनी यात्रा के अभिन्न अंग के रूप में स्वीकार करने के महत्व पर जोर दिया। अपने संबोधन में, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सफलता अक्सर व्यक्तियों को परिभाषित करती है, लेकिन असफलताएं ही उन्हें विजयी क्षणों की ओर ले जाती हैं। उन्होंने सभी को अपनी असफलताओं को खुलकर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया, क्योंकि इससे न केवल दूसरों को इन अनुभवों से सीखने में मदद मिलती है बल्कि व्यक्तिगत विकास का मौका भी मिलता है। सत्र के दौरान टूलिका रानी ने एनसीसी में अपने समय से लेकर भारतीय वायु सेना में अपने शानदार करियर और माउंट एवरेस्ट पर अपनी विस्मयकारी चढ़ाई तक की अपनी उल्लेखनीय यात्रा को साझा किया। अपनी असफलताओं को याद करने की उनकी इच्छा ने प्रेरणा के एक शक्तिशाली स्रोत के रूप में काम किया, और असफलताओं से निराश न होने का आग्रह किया। स्क्वाड्रन लीडर टूलिका रानी की सबसे बड़ी उपलब्धि 2012 में माउंट एवरेस्ट को फतह करने वाली उत्तर प्रदेश की पहली महिला और एशिया के सबसे ऊंचे ज्वालामुखी, माउंट दमावंद पर चढ़ने वाली पहली भारतीय महिला बनना था। उनके असाधारण योगदान को 17 प्रतिष्ठित पुरस्कारों से मान्यता मिली है,सरकार और फिक्की से ग्लोबल वुमन अवार्ड और यूपी का रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार भी शामिल है। कार्यक्रम का आयोजन डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय श्रीमती पूनम नंदा और उनकी टीम द्वारा किया गया था। इस आयोजन में शूलिनी विश्वविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और छात्रों ने भाग लिया।
शूलिनी विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार और आईआईटी रूड़की की एक संयुक्त पहल, आईहब दिव्यसंपर्क, टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब से 50 लाख रुपये के प्रतिष्ठित अनुसंधान अनुदान से सम्मानित किया गया है। नवाचार और अभूतपूर्व अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए आवंटित अनुदान, आईहब शूलिनी से संबद्ध पांच असाधारण अनुसंधान परियोजनाओं को प्रदान किया गया है, जिसे प्रोफेसर दीपक कुमार, समन्वयक आईहब शूलिनी और स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज, शूलिनी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर द्वारा विशेषज्ञ रूप से समन्वित किया गया है। ये पाँच परियोजनाएँ अपने-अपने क्षेत्रों में परिवर्तनकारी परिवर्तन लाने के लिए तैयार नवीन डोमेन के विविध स्पेक्ट्रम को शामिल करती हैं। एक कठोर चयन प्रक्रिया, जिसमें एक प्रतिष्ठित विशेषज्ञ समिति द्वारा मूल्यांकन और उसके बाद विस्तृत प्रस्तुतियाँ शामिल थीं, इन अत्याधुनिक अंत:विषय परियोजनाओं के चयन में परिणत हुईं। चुनी गई परियोजनाएं शूलिनी विश्वविद्यालय के संकायों की प्रतिभा और सरलता को दर्शाती हैं। जिन संकाय सदस्यों की परियोजनाओं को इस प्रतिष्ठित अनुदान को प्राप्त करने के लिए चुना गया है, वे हैं डॉ. दीपक कुमार प्रोफेसर, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज, डॉ. गौरव गुप्ता एसोसिएट प्रोफेसर, योगानंद स्कूल ऑफ एआई, कंप्यूटर और डेटा साइंसेज, डॉ. लोकेंद्र कुमार- सहायक प्रोफेसर, स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी, फैकल्टी ऑफ एप्लाइड साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी। ये विद्वान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/मशीन लर्निंग (एआई/एमएल), ड्रोन प्रौद्योगिकियों, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), और कृषि और चिकित्सा विज्ञान में उनके परिवर्तनकारी अनुप्रयोगों के क्षेत्र में अग्रणी अनुसंधान का नेतृत्व करेंगे। उनके समर्पित प्रयास और दूरदर्शी दृष्टिकोण इन क्षेत्रों में क्रांति लाने की क्षमता रखते हैं, जिससे सकारात्मक बदलाव आएंगे जो राष्ट्रीय और वैश्विक दोनों स्तरों पर प्रतिध्वनित होंगे। द्ब॥क्च दिव्यसंपर्क एक अग्रणी टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब है जो भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग और प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रूड़की के बीच सहयोग से स्थापित किया गया है। यह नवाचार को बढ़ावा देने और विभिन्न क्षेत्रों में परिवर्तनकारी अनुसंधान परियोजनाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए समर्पित है। कुलाधिपति प्रो. पीके खोसला, प्रो-चांसलर विशाल आनंद और वाइस चांसलर प्रो. अतुल खोसला द्वारा संकाय सदस्यों को बधाई दी गई।
उप मंडल ज्वालामुखी के पुलिस थाना खुंडिया के अंतर्गत एक महिला से नौकरी देने के नाम पर 2 लाख 80 हजार की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार हुई राधू देवी पत्नी दुर्गा दास गांव वल्ह बागडू डाकघर मझीण खुंडिया ने थाने में अपने साथ हुए फ्रॉड की शिकायत की है। शिकायतकर्ता के मुताबिक 3 अगस्त को उसके मोबाइल नंबर पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया और उसने कहा कि वे पैन की सप्लाई करते हैं, जो आपको आपके घर में ही कर देंगे तथा वह उनकी पैकिंग करेंगे, जिससे राधू देवी को वह 25000 से 30000/- रुपये का काम के अनुसार वेतन देंगे। इसलिए वह पहले रजिस्ट्रेशन के 620 रुपये इसी फोन पर गूगल पे करे। उन्होंने नौकरी व माल देने के बहाने राधू देवी से अलग-अलग खातों में 2 लाख 80 हजार रुपये डलवा लिए। शिकायत पर पुलिस ने किसी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी विकास धीमान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे फ्रॉड से लोग बचें और ऐसे किसी भी अज्ञात व्यक्ति का फोन आता है तो तुरंत नजदीकी थाना में संपर्क करें।
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर इस वर्ष समर्थ कार्यक्रम के तहत 2 अक्तूबर को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष समर्थ कार्यक्रम का 13वां संस्करण आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में ग्रामीण स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम सभा में मानसून से संबंधित आपदा, भूस्खलन, भूकंप, आग, हवा आदि जैसे प्राकृतिक खतरों से निपटने के लिए सुरक्षित समाधानों को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में भूस्खलन शमन गतिविधियों, सुरक्षित निर्माण पद्धितियों व ग्रामीण स्तर पर पारम्परिक निर्माण पद्धतियों को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। भवन निर्माण के लिए पहाड़ी की असुरक्षित कटाई व उसके प्रभाव, मलबे के सुरक्षित निपटारे और वर्षा जल की समुचित निकास प्रणाली की आवश्यकता पर भी मंथन किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि ग्राम सभा के दौरान प्राकृतिक जल निकास क्षेत्रों में निर्माण को प्रतिबंधित करना, जल निकासी चैनलों के समुचित प्रबन्धन, गांवों और घरों में आग के प्रति संवेदनशीलता व सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक के दौरान आपदा के प्रभावों को कम करने के दृष्टिगत विभिन्न उपायों, भूकंपरोधी घरों व भवनों के निर्माण पर बल देने सहित पहले से बने घरों को मज़बूत करने संबंधी चर्चा की जाएगी। इस दौरान ग्रामीण स्तर पर आसपास के खतरों की पहचान कर उनके प्रभावों को कम करने, ग्रामीणों को आपदाकालीन किट जिसमें सूखा भोजन, आवश्यक दवाएं तथा आपातकालीन चिकित्सा प्राथमिक किट तैयार रखने पर भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को खोज एवं बचाव प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के टोल-फ्री नंबर 1070 से जानकारी हासिल करने का परामर्श भी दिया जाएगा।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सौजन्य से बचत भवन देहरा में आपदा प्रबंधन को लेकर तीन दिन का प्रशिक्षण शिविर संपन्न हो गया। इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से हरजिंदर ने राजकीय महाविद्यालय देहरा के विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कैसे आपदा के पहले और आपदा के बाद उसका प्रबंधन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि हमारा लक्ष्य हर गांव में 15 लोगों को आपदा के लिए प्रशिक्षित करना है। उन्होंने इस ट्रेनिंग में आपदा में जैसे भूकंप के समय में सीपीआर देना, स्ट्रेचर बनाना, लोगों को बचाना इत्यादि का प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी देहरा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि आपदा दो प्रकार की होती है-प्राकृतिक और मानव निर्मित। आपदा के समय में सबसे अधिक जरूरी कार्य लोगों को आपदा की जगह से निकालना और आपदा के बाद लोगों को दोबारा बसाना होता है। उन्होंने आपदा मित्रों को आपदा के समय में इस्तेमाल होने वाली किट्स का भी वितरण किया।
राजकीय माध्यमिक स्कूल रजाना के 47 खिलाड़ी जिला स्तर पर संगड़ाह जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रजाना के डीपीई कपिल मोहन ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि रजाना स्कूल ने अंडर-19 लड़कों व लड़कियों की जोन स्तरीय खेलक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ठ प्रदर्शन किया है। रजाना विद्यालय लड़के व लड़कियों की खो-खो, और दोनों के ही फॉक डांस जोन स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहा है तथा पिछले वर्ष भी खो-खो में एक छात्र राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल की टीम से खेल चुका है। विद्यालय के प्रधानाचार्य बलबीर नेगी ने कहा कि इसके लिए रजाना विद्यालय का समस्त स्टाफ और रजाना के सभी बच्चे बधाई के पात्र हैं। विद्यालय के प्रदर्शन को देखते हुए एसएमसी प्रधान बलवीर सिंह, प्रधान ग्राम पंचायत रजाना विनोद कुमार, नंबरदार चेत सिंह, पूर्व उप प्रधान दलीप सिंह सहित अभिभावकों ने स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य और डीपीई को बधाई दी है।
जिला सोलन स्कूली क्रीड़ा संघ के सौजन्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय अंडर 14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में हुआ। शुभारंभ अवसर पर कुनिहार पंचायत प्रधान राकेश ठाकुर मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित हुए। आयोजकों द्वारा मुख्यातिथि का जोरदार स्वागत किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य दीपिका शर्मा व एसएमसी अध्यक्ष कृष्णचंद ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। एडीपीओ सोलन महेंद्र सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सांस्कृतिक व एथलेटिक्स खेलें होंगी। इस प्रतियोगिता में जिलाभर से निजी व सरकारी विद्यालयों के 35 स्कूलों के लगभग 315 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मुख्यातिथि राकेश ठाकुर ने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद व विद्यालय की अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया तथा समाज मे फैल रहे नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने आयोजकों को अपनी ओर से 3100 रुपये दिए। इस मौके पर पंचायत कुनिहार के उप प्रधान ग्राम हरिदास, डीपीई विजय प्रकाश, पीटीआई नंद लाल, शीशराम, विनोद पाठक, सुशील कुमार, सत्या कंवर, परवीन शर्मा, पवन, सुधीर गर्ग आदि मौजूद रहे।
-भाजपा सरकार के कार्यकाल में बजट का हुआ दुरुपयोग: छत्तर सिंह एनएसयूआई की हिमाचल इकाई ने शुक्रवार को प्राकृतिक खेती योजना के तहत बजट के वितरण जांच के आदेश देने के लिए राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया है, एनएसयूआई राज्य इकाई ने बताया कि सरकार को अंदेशा है कि भाजपा कार्यकाल में बजट का दुरुपयोग हुआ है, जिसके कारण राज्य सरकार ने प्रदेश में प्राकृतिक खेती योजना की जांच करवाने का फैसला लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभी तक प्राकृतिक खेती के लिए कोई पैकेज ऑफ प्रैक्टिस जारी नहीं की गई है या अधूरे शोध से किसानों को गुमराह किया जा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि किसानों के पास प्राकृतिक खेती के लिए जरूरी संसाधन ही नहीं है, जैसे कि जैविक खादें, पशुधन इत्यादि। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल में योजना के तहत जारी किए गए बजट का दुरुपयोग हुआ है। छानबीन के बाद अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई राज्य सरकार को अमल में लानी चाहिए। जिस अनुपात में बजट खर्च किया गया है उस अनुपात में न तो उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है और न ही किसानों को लाभ पहुंचा है। छत्तर सिंह ने कहा आंकड़ों में किसानों की संख्या ज्यादा दिखाई जा रही है, परंतु जमीनी हकीकत कुछ और है। भाजपा सरकार के वक्त प्राकृतिक खेती के नाम पर सम्मेलन, किसान मेलों पर जरूरत से ज्यादा बजट खर्च किया गया और फर्जी बिल बनाए गए।


















































