-सामने से आ रही गाड़ी को पास देते समय हुआ हादसा -चालक ने गाड़ी से कूदकर बचाई अपनी जान ग्राम पंचायत मझोग सुलतानी में सुबह के समय पंचायत घर के समीप हैंडपंप लगाने वाली गाड़ी अचानक पलट गई। शनिवार को सुबह के समय हैंडपंप लगाने बाली गाड़ी पंचायत घर के समीप चढ़ाई में दूसरी ओर से आ रही गाड़ी को पास देते समय अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। चालक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। सड़क के बीच गाड़ी के पलट जाने से यातायात भी प्रभावित हो रहा है। गाड़ी के पलटने से साथ ही सड़क किनारे खड़ी दो पाहिया वाहन को भी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि जान-माल को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
बाबा कांशीराम राजकीय महाविद्यालय डाडा सीबा में अभिभावक शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई कार्यकारिणी का गठन सत्र 2023-24 के लिए शनिवार को महाविद्यालय कार्यकारी प्राचार्य जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से किया गया। इसमें अंजना देवी को पीटीए कमेटी प्रधान नियुक्त किया गया। संध्या देवी को उप प्रधान, पूनम सरला को संयुक्त सचिव और प्रो. देवेेंद्र सिंह को सचिव चुना गया। इसके अतिरिक्त सोनी देवी, संदीप कुमार, अनुराधा व कुशल कुमार को सदस्य चुना गया। इस अवसर पर डाडा सीबा ग्राम पंचायत के उप प्रधान परमेश्वरी दास, प्राचार्य जितेंद्र कुमार, प्रो. रामपाल, प्रो. खेमचंद, प्रो. शीतल देवी, प्रो. पलक सिंह, जेओए (आईटी) राम दयाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
-बारालाचा टॉप पर एक इंच से ज्यादा बर्फ गिरी -मनाली से लेह का संपर्क कटा -दारचा-बारालाचा के बीच ट्रैफिक बंद हिमाचल प्रदेश में सर्दियों ने दस्तक दे दी है। सूबे की ऊंची चोटियों पर बीती रात से बर्फबारी हो रही है। मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग दारचा से आगे वाहनों के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन की दो जेसीबी बर्फ हटाने में जुटी हुई है। इसके बाद मनाली का लेह से संपर्क टूट गया है। सूचना के अनुसार, लाहौल-स्पीति के बारालाचा टॉप पर एक इंच से ज्यादा बर्फ गिर गई है। बारालाचा से आगे सरचू तक की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर ओड़ चुकी है। स्पीति से लोसर के बीच भी ताजा बर्फबारी हो रही है। जिले में मौसम खराब बना हुआ है। ताजा बर्फबारी के बाद दारचा से बारालाचा के बीच सड़क पर फिसलन बड़ गई है। इससे सड़क पर गाड़ी चलाना जोखिम भरा हो गया है। हिमपात से ठंड बढ़ी बर्फबारी जारी रही तो इससे दिक्कतें और बढ़ेगी। ऐसे में जो लोग इस सड़क से सफर कर रहे हैं, उनके लिए केलंग में रुकना ही बेहतर होगा। ताजा बर्फबारी के बाद ठंड में भी इजाफा हुआ है। घाटी में सर्दी की शुरुआत हो गई है। बारालाचा व आसपास के क्षेत्रों में पहले से पहुंचे पर्यटकों के बर्फबारी देख चेहरे खिल उठे हैं।
-जिला स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन -ऑलओवर रनर उप ट्रॉफी की अपने नाम बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार जिला स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता में शॉट पुट व चेस प्रतियोगिता में विजेता रहा और जिला सोलन में ऑलओवर रनर उप ट्रॉफी अपने नाम की। इस बारे में विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि इस जिला स्तरीय छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक सोलन के मार्ग दर्शन से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में 27 से 29 सितंबर तक किया गया था। विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा ने बताया कि विद्यालय से 14 छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें वंशिका ने शॉट पुट में पहला स्थान व अर्निका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, चेस प्रतियोगिता में अनन्या ने पहला, नव्या ने दूसरा व काव्या ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अर्निका, ईशा, चंचल व सेजल ने रिले रेस में दूसरा स्थान, नुपुर ने 600 मीटर रेस में तीसरा स्थान, अर्निका ने 100 मीटर रेस में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वंशिका, अर्निका, अनन्या, काव्या और नव्या का चयन राज्य सतरीय खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खेल कूद सपर्धा के समापन समारोह के उपरान्त सभी विजेताओं और उप-विजेताओं को मुख्यातिथि ने पारितोषिक देकर सम्मानित किया ढ्ढ विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष तथा अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष रतन तंवर और सभी सदस्यों ने भी बच्चों व उनके अभिभावकों के साथ साथ शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा, शारीरिक शिक्षक अमर देव को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने बताया की बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेल कूद के क्षेत्र में भी विद्यालय और कुनिहार का नाम रोशन करते हैं। विद्यालय प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा और समस्त अध्यापक वर्ग ने उनकी उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी।
-छात्रों ने क्लीन इंडिया, ग्रीन इंडिया थीम पर बनाए पोस्टर साईं इंटरनेशनल स्कूल में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। राष्ट्रीय पिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में कुछ बच्चों ने गांधी का रूप धारण कर सत्य और अहिंसा का संदेश दिया। जूनियर विंग के बच्चों ने गांधी के तीन बंदर व चरखा वहीं सीनियर विंग के छात्रों ने अनेक प्रोजेक्ट बनाए, जिसमें क्लीन इंडिया, ग्रीन इंडिया थीम पर पोस्टर गतिविधि में प्रतिभाग कर गांधी जी से संबंधित चित्रों से सजाया। शिक्षिकाओं ने बच्चों को गांधी के तीन बंदरो के माध्यम से बुरा न देखो, बुरा न बोलो और बुरा न सुनो के द्वारा छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। वहीं, स्कूल प्रबंधक रमिंदर बावा ने बच्चों को अपने चारों ओर स्वच्छता का ध्यान रखने का संदेश दिया। इस दिन का सम्मान करने के लिए के छात्रों और शिक्षकों ने महात्मा के जीवन और शिक्षाओं को मनाने के लिए एक विशेष सभा का आयोजन भी किया।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए गए सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के पंचरुखी जोन में अद्रेटा गांव की बस्ती में संपर्क अभियान व स्वछता अभियान मंडल महामंत्री स्वरूप डोगरा की अध्यक्षता में मनाया गया। इसमें मुख्य रूप से पी एन चट्वाल प्रदेश प्रवक्ता एससी मोर्चा, मदन सकलानी जिला अध्यक्ष एससी मोर्चा, जीवन कश्यप मंडल अध्यक्ष एससी मोर्चा उपस्थित रहे। इस अभियान के अंतर्गत स्वरूप डोगरा ने गांव के व्यक्तियों के साथ मिलजुल कर गांव के मुख्य रास्तों की सफाई की व स्वछता के बारे में लोगों को अवगत करवाया। स्वरूप डोगरा ने गांव के लोगों को प्रधानमंत्री मोदी की मुख्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत करवाया, ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति भी लाभ ले सकें।
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पिछले दिनों भ्रष्टाचार के एक मामले में पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। अब पंजाब विजिलेंस की टीम उन्हें तलाशने के लिए पंजाब के अलावा हिमाचल में छापेमारी कर रही है। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सोमवार को बठिंडा में एक संपत्ति की खरीद में अनियमितता के आरोप में भाजपा नेता और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल और पांच अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मनप्रीत बादल पिछले 64 दिन से लापता हैं और उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
-विधायक केवल सिंह पठानिया ने किया आगाज विधायक केवल सिंह पठानिया ने रैत में छात्राओं की जिला स्तरीय अंडर 19 खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें जिलाभर के 42 स्कूलों की 300 छात्राएं हॉकी, हैंडबॉल, वेटलिफ्टिंग, बास्केटबॉल, ताई कमांडों,जुडो तथा बॉक्सिंग इत्यादि में अपने अपने जौहर दिखाएंगीं। इस अवसर पर विधायक केवल पठानिया ने कहा कि चंबी खेल मैदान पर 3 करोड़ 50 लाख रुपये की धनराशि चरणबद्व तरीके से व्यय की जाएगी, जिसकी पहली 41 लाख की किश्त जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि रावमापा रैत के जीर्णोद्धार पर 33 लाख रुपये व्यय होंगें । उन्होंने जिला काँगड़ा से आई बेटियों का रैत में आने पर उनका स्वागत किया तथा जीत के लिए उनको शुभकामनाएं दीं । विधायक ने बताया कि 19 अक्टूबर को शाहपुर के सभी स्कूलों में प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा ।स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य अजय समयाल ने मुख्यातिथि तथा अन्य आये हुए मेहमानों का स्वागत किया तथा इस प्रतियोगिता बारे विस्तृत जानकारी दी। खिलाड़ी छात्राओं ने भव्य मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एसडीएम करतार चंद,वैज्ञानिक अधिकारी सुनन्दा पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, प्रदीप बलोरिया, वरिष्ठ कांग्रेस सदस्य डीडी शर्मा,बलवीर चौधरी, मीडिया प्रभारी विनय, बीएमओ शाहपुर डॉ. विक्रम कटोच, प्रधानाचार्य अनिल जरयाल, शमशेर सिंह, रवि राणा, मुख्याध्यापक राकेश कटोच, अधिशासी अभियंता विद्युत अमन चौधरी, अधिशासी अभियंता गज प्रोजेक्ट सुभाष शर्मा,एडीपीओ अतुल कटोच, विभिन्न स्कूलों के प्रवक्ता, डीपी, पीईटी, अध्यापक वर्ग, स्थानीय गणमान्य नागरिक तथा स्कूल के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अधीक्षक डाकघर सोलन डाक मंडल के कार्यालय में आज त्रैमासिक पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी अधीक्षक डाकघर सोलन मण्डल सपरुन आरडी पाठक ने दी। आर.डी.पाठक ने कहा कि इस त्रैमासिक पेंशन अदालत में डाक पेंशन और डाक परिवार पेंशन भोगियों की पेंशन सम्बन्धी शिकायतों पर चर्चा की गई। पेंशन अदालत में यह निर्णय भी लिया गया कि त्रैमासिक पेंशन अदालत भविष्य में भी आयोजित की जाएगी ताकि डाक पेंशन और डाक परिवार पेंशन भोगियों की पेंशन संबंधित शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जा सके।
भारत निर्वाचन आयोजित के निर्देशानुसार ़िला सोलन में आगामी लोकसभा निर्वाचन के दृष्टिगत ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं प्रथम स्तरीय जांच के नोडल अधिकारी अजय यादव तथा अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम सोलन डॉ. प्रियंका चंद्रा की उपस्थिति में नगर निगम सोलन के सभागार में आयोजित की गई। प्रथम स्तरीय जांच के दौरान 1010 बैलेट यूनिट, 888 कंट्रोल यूनिट तथा 1026 वीवीपैट मशीनों की गहन जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटिड बेंगलुरु से प्रतिनियुक्त पांच अभियंताओं द्वारा की गई। जांच में कुल 1001 बैलेट यूनिट, 872 कंट्रोल यूनिट तथा 1016 वीवीपैट सही पाए गए। जांच में 9 बैलेट यूनिट, 16 कंट्रोल यूनिट व 10 वीवीपैट यूनिट सही नहीं पाए गए। जांच के दौरान कंट्रोल यूनिट के 5 प्रतिशत मशीनों (45 मशीनों) पर राजनीतिक दलों की उपस्थिति में मॉक पोल कर वीवीपैट की पर्चियों का मिलान भी किया गया, जिसे सही पाया गया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्धारित मशीनों पर एक कंट्रोल यूनिट के साथ चार बैलेट यूनिट जोड़कर लोड टेस्ट भी करवाया गया। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि शिव दत्त ठाकुर, मंजुल अग्रवाल, कंचन राणा, शारदा, रुपेन्द्र कौर, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि चंद्रकांत, मुन्नी लाल, संजीव सूद, नेहा ठाकुर, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि भरत ठाकुर, रीता ठाकुर, दीवान सिंह, बीएल गाजटा, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि राकेश बराड़ तथा राम रतन, तहसीलदार निर्वाचन राजेश शर्मा, नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान ठाकुर, अधीक्षक वीआर चौधरी, भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटिड बेंगलुरु के अभियंता नितेश कुमार उपस्थित थे।
-अध्यक्ष आरके विश्नोई ने की हिंदी में काम करने की अपील टीएचडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड में हिंदी पखवाड़ा समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर सभी कर्मचारियों से अपना अधिकाधिक सरकारी काम-काज हिंदी में करने की अपील की। इससे पूर्व विश्नोई ने 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर अपील जारी कर सभी कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया। टीएचडीसी में 14 से 29 सितंबर, 2023 तक हिंदी पखवाड़ा मनाया गया, जिसका समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आज कॉरपोरेट कार्यालय ऋषिकेश में किया गया। इस अवसर पर निगम के निदेशक(कार्मिक), शैलेेंद्र सिंह, कार्यपालक निदेशक (वित्त), एबी गोयल, मुख्य महाप्रबंधक, वीरेेंद्र सिंह ने विजेता कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि, विद्युत मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति के वरिष्ठ सदस्य जीके फरलिया ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी आधुनिक भारत की पहचान है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे उप प्रबंधक (राजभाषा), श्री पंकज कुमार शर्मा ने पूरे कार्यक्रम के बारे में मुख्य अतिथि एवं सभी उपस्थित कर्मचारियों को अवगत कराया। हिंदी पखवाड़ा के दौरान आयोजित हुई हिंदी निबंध प्रतियोगिता में किरन सिंह, भू वैज्ञानिक, नोटिंग ड्राफ्टिंग में आनंद कुमार अग्रवाल, वरि प्रबंधक, अनुवाद में वैभव विद्यांश, कार्यपालक प्रशिक्षु, सुलेख में जितेंद्र जोशी, प्रबंधक, कविता पाठ में सुरेंद्र सिंह नेगी, सहायक प्रथम रहे। अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए अलग-अलग आयोजित की गई हिंदी ई-मेल प्रतियोगिता में श्री पंकज विश्वकर्मा, वरि प्रबंधक एवं शीला देवी, उप अधिकारी प्रथम रहे। पखवाड़ा के दौरान नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य संस्थानों के लिए राजभाषा हिंदी एवं सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बीएचईएल हरिद्वार के आशीष कुमार, अभियंता प्रथम रहे। इनके साथ ही विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत भी कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। हिंदी में सर्वाधिक कार्य करने विभागाध्यक्षों की श्रेणी में एके गोयल, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी, सर्वाधिक डिक्टेशन की श्रेणी में मुकेश वर्मा, अपर महाप्रबंधक (मा.सं-भर्ती), मूल रूप से टिप्पणी लेखन में शिव प्रसाद व्यास, वरि. अधिकारी (मा.सं.) एवं हिमांशु असवाल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रथम रहे। इस अवसर पर हिंदी नोडल अधिकारियों को भी पुरस्कृत किया गया। अनुभाग को अंतर विभागीय चल राजभाषा ट्राफी प्रदान की गई। समारोह में निदेशक (कार्मिक), शैलेंद्र सिंह ने निदेशक (कार्मिक) ने अपने संबोधन में सभी विजेता कर्मचारियों को बधाई देते हुए सभी कर्मचारियों से अपना समस्त सरकारी कामकाज हिंदी में करने के लिए राजभाषा विभाग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। समारोह में कारपोरेट कार्यालय के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-सल्ली में शगुन योजना के तहत 14 लाभार्थियों को दिए चेक -विधायक ने पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी का भी किया अवलोकन विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जिला कांगड़ा में लगभग 13500 महिला लाभार्थियों को 6 करोड़ 60 लाख की सहायता राशि विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदान की गई है। बेटी है अनमोल कार्यक्रम के अंतर्गत बीपीएल परिवार में जन्मी 1420 बेटियों को 21 हजार रुपये की दर से कुल 2 करोड़ 98 लाख की राशि प्रदान की गई है । शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास विभाग कांगड़ा के तत्वावधान में शाहपुर विधानसभा के अंतर्गत सल्ली में पोषणमाह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विधायक केवल पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विधायक केवल सिंह पठानिया ने बेटी है अनमोल के अंतर्गत 21 बेटियों के नाम कुल 5 लाख 37 हजार की एफडी तथा मुख्यमंत्री शगुन योजना 14 पात्र लाभार्थियों को 4 लाख 34 हजार की चेक भेंट किए । इसके साथ ही 38 आपदा से प्रभावित परिवारों को 23 लाख 18 हजार 500 रुपये की राहत राशि वितरित की। इससे पहले सीडीपीओ रैत सन्तोष ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए महिला बाल विकास विभाग के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। जिला परिषद सदस्य रितिका शर्मा ने भी अपने विचार रखे। आंगन बाड़ी कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर गीत संगीत के माध्यम से विभाग की विभिन्न गतिविधियों बारे आमजन को संदेश दिया। रजोल कला मंच ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर नाटक प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विधायक केवल पठानिया ने पोषण अभियान के अंतर्गत लगाई गई खाद्य व्यंजन प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक शर्मा ने मुख्यातिथि का कार्यक्रम में आने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सीडीपीओ रैत, वरिष्ठ सहायक, रैत खंड की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायकों ने आपदा राहत के लिए एक लाख का चेक भी विधायक को भेंट किया ।स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अवसर पर निशुल्क स्वास्थ्य केम्प का आयोजन भी किया गया था इसमें लगभग 51 नागरिकों के बीपी, शुगर, एचबीओ इत्यादि टेस्ट भी किये गए ।इस अवसर पर एसडीएम करतार चंद,वैज्ञानिक अधिकारी सुनन्दा पठानिया, वरिष्ठ कांग्रेस सदस्य डीडी शर्मा, मीडिया प्रभारी विनय, अधिशासी अभियंता विद्युत अमन चौधरी, अधिशासी अभियंता गज प्रोजेक्ट सुभाष शर्मा, चिकित्सक तथा पैरा मेडिकल स्टाफ,बीडीसी सदस्य सुमन तथा मनोज, निर्मल, राकेश, सुरेंद्र महाजन , धारकंडी क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि तथा आमजन उपस्थित रहे ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. सुशील शर्मा के सौजन्य से जिला स्तरीय विश्व हृदय दिवस गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज रक्कड़ में मनाया गया। इस दिन को मनाने का उद्देश्य हृदय संबंधी होने वाली बीमारियों से कैसे बचा जा सकता है, इसके लिए जागरूक करना था। जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराधा ने बताया कि आजकल हृदय संबंधी बीमारियां बहुत तेजी से फैल रही हैं और जिसके लिए हमारी जीवन शैली काफी हद तक जिम्मेवार है। व्यवस्थित दिनचर्या, नियमित व्यायाम तथा उचित खानपान अपनाकर हम हृदय संबंधी रोगों को काफी हद तक रोक सकते हैं ।आगे जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सांस फूलना, सीने में दर्द होना ,सीने में भारीपन आदि हृदय रोगों के लक्षण है अत: हमारा ऐसे किसी भी तरह के लक्षणों के प्रति इजागरूक होना बहुत जरूरी है। उन्होंने बच्चों को धूम्रपान तथा नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी और कहां कि यह भी हृदय रोग का एक बहुत बड़ा कारण है, इसलिए उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वह स्वयं को नशे के सेवन से बचाएं क्योंकि नशे की लत शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत ही हानिकारक है जिसके कारण व्यक्ति का पूरा जीवन बर्बाद हो जाता है। अत: हमेशा व्यवस्थित जीवन शैली अपनाते हुए हृदय रोगों तथा दूसरी बीमारियों से स्वयं को बचाएं तथा अगर कोई इन रोगों की गिरफ्त में आ चुका है तो उनकी मदद करें। इस मौके पर पोस्टर कंपटीशन का भी आयोजन किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को इनाम दिए गए । जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी श्रीमती जगदंबा मेहता द्वारा बच्चों से आह्वान किया गया कि वह व्यवस्थित जीवन शैली अपनाते हुए अपने आप को नशे से दूर रखें, ताकि सभी बच्चे स्वस्थ रहें तथा अपनी जिंदगी में एक उच्च मुकाम हासिल करें। इस मौके पर स्वास्थ्य शिक्षिका अंजलि ने भी बच्चों को सरकार द्वारा बच्चों के लिए चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान कालेज के प्रधानाचार्य तथा सभी प्रवक्ता भी उपस्थित रहे।
-विधानसभा सदन में भी पेश किए झूठे आंकड़े हिमाचल प्रदेश में झूठ की नाव पर सवार होकर जाने कैसे कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने में सफल हो गई। अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी मंत्री व विधायक झूठ पर झूठ की परतें चढ़ाते चले जा रहे हैं। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा व मीडिया सह प्रभारी विश्व चक्षु ने जारी किए संयुक्त बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार ने झूठे बोलने की हद भी पार कर दी है। चुनावों के समय कांग्रेस के लोगों ने आंखें मूंदकर और बिना कुछ सोचे समझे लोगों को झूठी गारंटियां दी गईं। झूठे प्रलोभन देकर उन लोगों ने प्रदेश की सत्ता संभाल ली। सुक्खू सरकार ने अपनी अब तक के कार्यकाल में एक भी काम नहीं किया है, जबकि दिखावा कर रहे हैं कि उन्होंने जाने क्या कर दिया है। चिंता का विषय तो यह है कि कांग्रेस के लोग विधानसभा में भी झूठ बोल रहे हैं। मानसून सत्र के दौरान विपक्ष की ओर से जो भी सवाल सदन में उठाए गए। उन सवालों की जवाब सरकार की ओर से झूठे दिए गए। मुख्यमंत्री समेत उनके मंत्रियों ने सदन में झूठे आंकड़े पेश करके प्रदेश के जनता को एक बार फिर से गुमराह करने का प्रयास किया, जोकि बिल्कुल भी तर्कसंगत नहीं है। विश्व चक्षु ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी गारंटियों में कहा था कि महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये दिए जाएंगे। प्रदेश की जनता को 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। अब सरकार बने इतना समय हो चुका है, लेकिन न तो हमारी माताओं और बहनों को, न ही 1500 रुपये मिले हैं और न ही 300 यूनिट बिजली निशुल्क हुई है।
आशीष पठानिया ने बतौर एसएचओ थाना इंदौरा का कार्यभार शुक्रवार शाम को संभाल लिया। इससे पहले वे जिला ऊना के पुलिस थाना अंब में बतौर थाना प्रभारी सेवाएं प्रदान कर रहे थे। पत्रकारों को संबोधित करते हुए एसएचओ ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन व नशा माफिया पर परिणाम पूर्ण कारवाई उनकी प्राथमिकता रहेगी, इसके अलावा कानून व्यवस्था का बेहतर परिवेश स्थापित करने के लिए वे प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने पुलिस सामुदायिक योजना के अंतर्गत जनता एवं पुलिस के बीच सामंजस्य स्थापित किया जाएगा और इस सब के लिए उन्होंने प्रेस के माध्यम से जनता से सहयोग करने की अपील की।
-कहा, अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र और शिक्षक किए जाएंगे सम्मानित प्रदेश शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों के पाठ्यक्रम में प्रदेश के गौरवशाली इतिहास को भी सम्मिलित किया जाए। विदेशी आक्रांताओं और शासकों से पूर्व के प्रदेश के इतिहास को बच्चों को स्कूलों में पढ़ाया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियां अपने समृद्ध इतिहास से रूबरू हो सकें। इसके लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड विशेषज्ञों की एक कमेटी बनाकर इन विषयों पर तथ्यपरक शोध कर इसे पाठ्यक्रम में सम्मिलित करने की दिशा में काम करे। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सभागार में आज शुक्रवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने यह बात कही। इस दौरान मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा आशीष बुटेल और बोर्ड के अध्यक्ष तथा उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल भी उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे देश के साथ-साथ प्रदेश का इतिहास भी बहुत गौरवशाली रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि प्रदेश के कईं हिस्सों विशेषकर जिला कांगड़ा का जिक्र महाभारत तक में आता है। उन्होंने कहा कि वीर राम सिंह पठानिया, जनरल जोरावल सिंह, पहाड़ी गांधी बाबा कांशीराम, प्रजा मंडल, डॉ. यशवंत सिंह परमार सरीखे विभुतियों और ऐतिहासित घटनाक्रमों से हमारे बच्चे परिचित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली इतिहास की जानकारी केवल इतिहास विषय पढ़ने वाले बच्चों तक सीमित न होकर सभी बच्चों तक पहुंचे, ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए। इतिहास के साथ कला-संस्कृति से भी हो परिचय शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को हर वर्ष सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में दसवीं और बारहवीं कक्षा में शिक्षा बोर्ड के टॉपर्स को मेडल देकर सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बोर्ड स्कॉलरशिप तो देता ही है लेकिन एक कार्यक्रम आयोजित कर टॉपर्स को बोर्ड द्वारा अच्छे मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पूरे सर्मपन भाव से वर्ष भर बच्चों को अच्छे से पढ़ाने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाना चाहिए। कार्यप्रणाली हो दुरुस्त बैठक में शिक्षा मंत्री द्वारा बोर्ड की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। उन्होंने शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों से उनके कार्यों का ब्योरा लेते हुए, शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के सुझाव दिए। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं और सुझावों को सुनते हुए उनपर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का हित प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बोर्ड के कर्मचारियों के सभी विषयों पर गंभीरता से विचार कर, उनका समाधान किया जाएगा। डिजिटाइजेशन पर दें जोर रोहित ठाकुर ने कहा कि बोर्ड की कार्यप्रणाली में दक्षता और पारदर्शिता लाने के लिए तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग कर डिजिटाइजेशन पर जोर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर्स सेट करने से लेकर परीक्षाओं के आयोजन तक तकनीक का उपयोग पर बल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में पारदर्शिता रखने और नकल पर नियंत्रण रखने के लिए सीसीटीवी कैमरा हर केंद्र में हो और उनका कंट्रोल सेंटर बोर्ड में स्थापित किया जाए। बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर करें काम : बुटेल इस दौरान मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा आशीष बुटेल ने अधिकारियों को बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश शिक्षा बोर्ड की विश्वसनीयता इसी प्रकार बनी रहे इसके लिए पूर्ण निष्ठा से कर्मचारी काम करें। उन्होंने कहा स्कूलों में बच्चों को पढ़ाए जाने वाली पुस्तकें और अन्य सामग्री की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। डिजिलॉक में मिलेंगे प्रमाण पत्र : डॉ. निपुण जिंदल बैठक में बोर्ड के अध्यक्ष और उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आने वाले समय में सारे प्रमाण पत्रों को डिजिलॉकर से जोड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इससे जहां बच्चों को अपने सर्टिफिकेटस् सुरक्षित रखने में सहायता होगी, वहीं भविषय में उच्च शिक्षा या नौकरी के समय में डिजिलॉकर से प्राप्त किए प्रमाण पत्रों के सत्यापन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त भी तकनीक की सहायता से कार्यप्रणाली को सुगम बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
केंद्रीय अंतर मंत्रालय दल ने आज सोलन जिला की दून और नालागढ़ विधानसभा में भारी वर्षा के कारण प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। केंद्रीय अंतर मंत्रालय दल ने दून विधानसभा क्षेत्र के बद्दी शहर के लक्कड़ डिपू पुल, ग्राम पंचायत बवासनी के गांव शील और सुनानी तथा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के रामशहर, दभोटा पुल, नालागढ़-रामशहर मार्ग (कुमारहट्टी गांव के पास) तथा घनेरी गांव में भारी वर्षा के कारण हुए नुकसान का निरीक्षण किया। केन्द्र जल आयोग के निदेशक पीयूष रंजन ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि एक दल कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर का दौरा कर रहा है और दूसरा दल सिरमौर और सोलन जिले का दौरा कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज यह टीम सोलन जिला में गत दिनों भारी वर्षा से प्रभावित क्षेत्र, पुलों और मार्गों का दौरा कर नुकसान का जायज़ा ले रही है। उन्होंने कहा कि वर्षा से हुए नुकसान का आकलन करने के बाद टीम अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को आगामी कार्रवाई के लिए प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के मूल्यांकन के उपरांत केंद्र सरकार प्रदेश को सहायता राशि प्रदान करेगी। इस अवसर पर केन्द्रीय अंतर मंत्रालय दल की टीम ने ग्राम पंचायत बवासनी के गांव शील, सुनानी और घनेरी गांव के वर्षा से प्रभावित लोगों से बातचीत भी की और संबंधित विभागों के अधिकारियो को शीघ्र उनकी समस्याओं का समाधान करने के उचित दिशा निर्देश भी दिए। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने टीम को अवगत करवाया कि भारी वर्षा से अब तक सोलन ज़िला में लगभग 652 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने दल को ज़िला प्रशासन द्वारा प्रभावितों की सहायता के लिए किए गए उपायों की विस्तृत जानकारी दी। केंद्रीय अंतर मंत्रालय दल में केंद्रीय जल आयोग के निदेशक पियूष रंजन, सीईए के निदेशक आरके मीणा, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधीक्षक अभियंता वरूण अग्रवाल शामिल हैं।
आजादी के अमृत महोत्सव के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 'मेरी माटी, मेरा देश' कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। देश को आजाद करवाने वाले वीर सपूतों को याद कर उनको सच्ची श्रद्धांजलि इस कार्यक्रम के माध्यम से दी जा रही है। इसी कड़ी में डाडा सीबा डाक विभाग के कर्मचारियों ने 'मेरी माटी, मेरा देश' कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें आंचल पठानिया का भी विशेष योगदान रहा। मिट्टी को नमन, वीरों का वंदन ऐसी टैगलाइन प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम को दी है।
जय माता पंजपिरी गोगा जाहर वीर हार मिटा ऐतिहासिक दंगल पूरे हर्षोउल्लस तरीके से संपन्न हुआ। मेला कमेटी के प्रधान जोगिंदर सिंह ने बताया कि छोटी माली परागपुर के रिशु पहलवान ने जीती, वहीं परागपुर के साहिल पहलवान बड़ी माली के विजेता रहे, जिन्हें कमेटी द्वारा सम्मानित भी किया गया। वार्षिक दंगल में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे खाद्य आपूर्ति विभाग में निदेशक पुष्पिंदर ठाकुर ने समस्त मेला कमेटी सदस्य को मेले के सफल आयोजन पर बधाई दी साथ ही इस दौरान विशेष अतिथि के तौर पर पहुंचे पूर्व बीडीसी सदस्य सुनील चौहान, प्रवक्ता राकेश भाटिया सहित अन्य को बाबा गोगा जाहर वीर जी की तस्वीर भेंट करके सम्मानित किया गया। इस दौरान कमेंट्री में जयमल सिंह व विनायक ठाकुर की विशेष भूमिका रही।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा आधवाणी-बलारड़ू ने वित्तीय साक्षरता सप्ताह 2023 के उपलक्ष्य में गांव घलौड़ा में कैंप लगाया गया। इसमें गांव के दो महिला सहायता समूहों के सदस्यों ने भाग लिया। शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार राणा ने सक्रिय बचत और बजट का निर्माण कैसे किया जाए, डिजिटल वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल कैसे विवेकपूर्ण तरीके से किया जाए तथा सरकार द्वारा नाबार्ड के माध्यम से चलाई गई योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे चिट फंड कंपनियों से दूर रहें तथा याद रखें कि बैंक कभी भी अपने ग्राहकों को एटीएम की जानकारी से संबंधित फोन नहीं करता है व अपना ओटीपी और पासवर्ड किसी को भी न बताएं। उन्होंने बैंक की ओर से स्वयं सहायता समूहों का वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता शिविर में भाग लेने के लिए आभार व्यक्त किया।
शूलिनी विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय फ्लो साइटोमेट्री कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यशाला का आयोजन शूलिनी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल एंड एनवायर्नमेंटल साइंसेज द्वारा फ्लोसाइटोमेट्री सॉल्यूशंस लिमिटेड, भारत,प्राइवेट लिमिटेड और ट्रस्ट फॉर एजुकेशन एंड ट्रेनिंग इन साइटोमेट्री (टीईटीसी), भारत के सहयोग से किया गया था। तीन दिनों तक चली कार्यशाला में फ्लो साइटोमेट्री में अत्याधुनिक प्रगति और अनुप्रयोगों का प्रदर्शन किया गया, जिससे देश भर के विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा मिला। कार्यशाला की शुरुआत फ्लोसाइटोमेट्री सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक डॉ. हेमंत अग्रवाल द्वारा दिए गए 'फ्लो साइटोमेट्री विश्लेषण और प्रस्तुतिÓ नामक व्याख्यान से हुई। टीईटीसी के प्रबंध अधिकारी। डॉ. अग्रवाल ने 'साइटएक्सपर्टÓ सॉफ्टवेयर का उपयोग करके डेटा विश्लेषण तकनीकों के बारे मई जानकारी साझा की। टीईटीसी के सदस्य डॉ. हिमांशु टिल्लू ने प्रयोग अवलोकन, उद्देश्य, कीवर्ड, चर, संगठन, प्राथमिक संपर्क, तिथि, निष्कर्ष, उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान का प्रसार सुनिश्चित करना और गुणवत्ता नियंत्रण जैसे प्रमुख तत्वों पर जोर देते हुए डेटा प्रकाशित करते समय एमआईएफफ्लोसाइट दिशानिर्देशों का पालन करने के महत्व पर छात्रों को प्रबुद्ध किया। । वर्कशॉप के दौरान एक प्रश्नोत्तरी और फीडबैक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें अंकुर राकेश दुबे आईआईटी, जोधपुर शीर्ष स्कोरर के रूप में उभरे, उनके बाद इंदु शर्मा आईसीएमआर, नई दिल्ली रहीं। कार्यशाला के दूसरे दिन फ्लो साइटोमेट्री का उपयोग करके एपोप्टोसिस का विश्लेषण विषय पर जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय, यूएसए से डॉ. राजेंद्र कुमार का ऑनलाइन व्याख्यान हुआ। डॉ. कुमार ने ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में फ्लो साइटोमेट्री की महत्वपूर्ण भूमिका, विशेष रूप से कैंसर कोशिकाओं के उपचार में इसके अनुप्रयोगों पर चर्चा की। टीईटीसी के दोनों सदस्यों डॉ. हेमंत अग्रवाल और डॉ. हिमांशु टिल्लू द्वारा विश्वेश्वरैया हॉल में कोशिका चक्र विश्लेषण और एपोप्टोसिस पर व्यावहारिक प्रदर्शन आयोजित किए गए। बेकमैन कूल्टर कंपनी के अनुप्रयोग वैज्ञानिक अन्वेषा मलिक और डॉ. जितेंद्र कुमार शांडिल्य ने फ्लो साइटोमेट्री के बुनियादी सिद्धांतों का व्यापक परिचय प्रदान किया। कार्यशाला का समापन प्रो. आर.सी. सोबती, पंजाब विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ जिन्होंने इस कार्यक्रम को अद्वितीय सफल बनाने के लिए सभी उपस्थित लोगों, आयोजकों और प्रायोजकों को धन्यवाद दिया। इस कार्यशाला ने वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य देखभाल को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को आगे बढ़ाते हुए, फ्लो साइटोमेट्री के क्षेत्र में ज्ञान, सहयोग और नवाचार के प्रतीक के रूप में कार्य किया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि राज्य सरकार युवाओं को सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने के लिए विशेष प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। सरकार इन सौर ऊर्जा परियोजनाओं से उत्पन्न बिजली की आगामी 25 वर्षों तक खरीद करेगी, ताकि युवाओं के लिए एक स्थिर आय का स्रोत सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा दोहन के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अपनी भूमि पर 250 किलोवाट से दो मेगावाट तक की क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने के लिए 40 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस सब्सिडी से युवा उद्यमियों के लिए नवीकरणीय ऊर्जा उद्यम स्थापित करना और अधिक सुलभ तथा वित्तीय रूप से व्यवहार्य बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को 31 मार्च, 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार अपने ऊर्जा स्रोतों में विविधता ला रही है। सरकार प्रदेश की उपलब्ध जलविद्युत क्षमता के अलावा, सौर ऊर्जा संसाधनों का समुचित दोहन सुनिश्चित कर रही है। इस दिशा में सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में 500 मेगावाट की संयुक्त क्षमता के साथ नई सौर ऊर्जा परियोजनाएं शुरू करने का महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति यह दूरगामी पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक विकास और रोजगार के अवसर भी सृजित करती है। इस नवोन्मेषी पहल से हिमाचल देश में स्वच्छ ऊर्जा अपनाने वाला अग्रणी प्रदेश बन गया है।
- सीआईआई पावर कॉनक्लेव के चौथे संस्करण का किया शुभारंभ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज यहां भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) हिमाचल प्रदेश द्वारा 'मेकिंग हिमाचल प्रदेश द केपिटल ऑफ ग्रीन एंड क्लीन एनर्जीÓ विषय पर आयोजित सीआईआई पावर कॉन्क्लेव के चौथे संस्करण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने हिमाचल के सतत् विकास और समृद्ध भविष्य के दृष्टिगत हरित और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में एकजुट प्रयासों का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ ही सभी को मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरित और स्वच्छ ऊर्जा केंद्र बनने की परिकल्पना को साकार करने के लक्ष्य में ग्रिड एकीकरण, तकनीकी प्रगति, वित्तपोषण और सामुदायिक जुड़ाव सहित कई चुनौतियां है। उन्होंने कहा कि हर चुनौती नवाचार और विकास के अवसर प्रदान करती है और हम सब मिलकर इन बाधाओं को दूर करने का प्रयत्न करें। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल में नदियों, वनों और पहाड़ों सहित प्रचुर प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध हैं, जो नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के लिए अपार संभावनाएं पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का समुचित दोहन सुनिश्चित कर हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में देश के समक्ष एक आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरित और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र को अपनाना केवल एक पर्यावरणीय अनिवार्यता ही नहीं अपितु यह एक आर्थिक अवसर भी उपलब्ध करवाता है। यह सतत् विकास, जलवायु परिवर्तन से निपटने और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जल विद्युत, सौर ऊर्जा, पवन और जैव ईंधन (बायोमास) जैसे हरित और स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के माध्यम से हम ऊर्जा क्षेत्र के परिदृश्य को बदलने में सक्षम हैं और इनसे आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में हरित और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए कई अग्रणी कदम उठाए हैं। राज्य सरकार द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहन और सब्सिडी प्रदान करने के साथ ही अनुकूल नीतियां कार्यान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा इन प्रयासों के परिणामस्वरूप नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विशेष रूप से जलविद्युत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हिमाचल को हरित और स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आपसी सहयोग और साझा प्रयास आवश्यक हैं। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश ज्ञान का आदान-प्रदान करने, सर्वोत्तम प्रणालियों को साझा करने और नवीन समाधान तलाशने के लिए उद्योग जगत के दिग्गजों, विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीआईआई पावर कान्क्लेव इस प्रकार के समन्वय स्थापित करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी प्रतिभागी इस दिशा में सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे। उन्होंने आह्वान किया कि इस मंच का उपयोग प्रतिभागियों द्वारा विचारों को साझा करने, चुनौतियों पर चर्चा और सहयोग के अवसरों की पहचान करने के लिए किया जाए। सीआईआई हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष नवेश नरूला ने राज्यपाल का स्वागत किया और पर्यावरणीय चुनौतियों और पर्यावरण से संबंधित मुद्दों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। स्टेटक्राफ्ट इंडिया लिमिटेड के कंट्री हेड राहुल वर्षणे और हार्टेक पावर प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ संजीव गुप्ता ने भी राज्यपाल का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार सायं यहां ललित गुप्ता द्वारा लिखित 'जीवन का आधार-आप का पौष्टिक आहारÓ नामक पुस्तिका का विमोचन किया। जीवन में पौष्टिक आहार के महत्त्व से संबंधित जानकारी संकलित करने में ललित गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पोषणयुक्त आहार स्वस्थ जीवनशैली व स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में पहला कदम है। इस बुकलेट के माध्यम से स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक पोषक तत्त्वों के बारे में आवश्यक जानकारी उपलब्ध होगी। उन्होंने संपूर्ण शारीरिक विकास में संतुलित आहार के महत्त्व पर बल देते हुए कहा कि पोषण उत्तम स्वास्थ्य की नींव है। इस पुस्तिका का उद्देश्य लोगों को अपने आहार के बारे में सही विकल्प चुनने के लिए आवश्यक ज्ञान प्रदान करना है।
ब्लॉक परागपुर के अंतर्गत पड़ते नेहरन पुखर के स्थानीय निवासी एवं दुकानदार संजीव राजपूत संजू ने बेशकीमती मोबाइल फोन लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया है। संजीव राजपूत ने बताया कि पंजाब के कुछ श्रद्धालु, जो कि ज्वालाजी मंदिर में माथा टेकने गए थे, वापसी पर उनकी दुकान में कुछ समान लेने के लिए रुके। एक श्रद्धालु का फोन वहीं दुकान पर रह गया। संजीव राजपूत ने वह फोन अपने पास रख लिया। पासवर्ड लगे होने की वजह से किसी से भी संपर्क नहीं किया जा सका। इसी बीच उन श्रद्धालुओं का कॉल उस फोन पर आया, फिर संजीव ने उन्हें इस बाबत जानकारी दी और मालिक को फोन लौटा दिया।
हिमाचल प्रदेश विधान सभा के माननीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया दक्षिण अफ्रीका महाद्वीप के देश घाना की राजधानी अक्रा में 2 अक्तूबर से 6 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले 66वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने 1 अक्तूबर को नई दिल्ली से दुबई होते हुए अफ्रीका के लिए रवाना होंगे। पठानियां घाना में राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के बाद स्पेन तथा स्विटजरलैंड दो देशों की यात्रा पर भी रहेंगे। पठानिया 2 से लेकर 6 अक्तूबर तक घाना की राजधानी अफ्रीका, 7 से लेकर 9 अक्तूबर तक स्पेन की राजधानी मैड्रिड, 9 से लेकर 11 अक्तूबर तक स्पेन के खूबसूरत शहर बर्सिलोना तथा 11 से 16 अक्तूबर तक स्विटजरलैंड के शहर ल्यूर्सन के प्रवास पर रहेंगे।
-विधायक ने छन्नी बेली में सुनीं जनसमस्याएं छन्नी बेली के लोगों ने गांव की समस्याएं विधायक मलेंद्र राजन के समक्ष रखीं। उन्होंने बताया कि यदि युवाओं को सरकार द्वारा रोजगार के अवसर व विशेष सृजन नहीं किया गया तो वे दिशाहीन होने के लिए विवश होंगे। उन्होंने लोगों को रोजगार दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि गांव का हर व्यक्ति नशे का कारोबार नहीं करता, लेकिन आज छन्नी गांव नशे के नाम से इतना बदनाम हो चुका है, जिसके कारण वे अपने गांव का नाम लेने में असहज महसूस करते हैं। उन्होंने विधायक द्वारा क्षेत्र से नशे के विरुद्ध चलाई गई मुहिम का स्वागत किया। वहीं उन्होंने छन्नी में युवाओं के लिए खेल मैदान बनाने की भी मांग की। इस अवसर पर विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि इस गांव के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि छन्नी गांव जिन कारणों से मशहूर है, उस मिथक को तोड़ना जरूरी है। उन्होंने नशे के विरुद्ध स्थानीय युवाओं से सहयोग की अपील की व अन्य समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से हल करने का आश्वासन दिया। विधायक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र से चिट्टे को जड़ से मिटाना उनकी प्राथमिकता है और इस संदर्भ में उन्होंने सहयोग की मांग की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव कमल किशोर, बीडीओ सुदर्शन सिंह, पूर्व प्रधान तिलक राज, पूर्व प्रधान शेरा, उप प्रधान रणजीत सिंह, उप प्रधान अश्विनी कुमार, मनोहर पिंकी, कर्ण सिंह आदि को आयोजकों द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में प्राचार्य उपेेंद्र शर्मा के संरक्षण में तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विवेकानंद शर्मा के नेतृत्व में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवियों ने एवं महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने स्वच्छता की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर उन्होंने शपथ ली कि वे अपने घर में, महाविद्यालय में, आस पड़ोस में भी सफाई रखेंगे तथा औरों को भी सफाई के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर डॉ शमशेर सिंह, प्रो. संजीव कुमार शर्मा, प्रो. राजेश, प्रो. शिखा धरवाल, प्रो. नीतिका शर्मा, डॉ. उज्जवल कटोच, प्रो. विवेकानंद शर्मा उपस्थित रहे।
-नई कार्यकारिणी में करण उनियाल को चुना गया सचिव अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सांध्यकालीन इकाई की नई कार्यकारिणी गठन किया गया, जिसमें विशेष रूप से विभाग संगठन मंत्री अश्वनी ठाकुर व विभाग संयोजक समीर ठाकुर उपस्थित रहे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सांध्यकालीन इकाई में नव कार्यकारिणी वर्ष 202-24 का गठन किया गया, जिसमें इकाई अध्यक्ष पंकज शर्मा व इकाई सचिव करण उनियाल को निर्वाचित किया गया। इस कार्यकारिणी गठन समारोह में विशेष रूप से शिमला विभाग संगठन मंत्री अश्वनी ठाकुर और चुनाव अधिकारी के रूप में शिमला विभाग संयोजक समीर ठाकुर उपस्थित रहे तथा इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री अनिल शर्मा भी मौजूद रहे। पूर्व इकाई सचिव मुकेश शर्मा ने पूर्व की इकाई की उपलब्धियां मंत्री प्रतिवेदन के माध्यम से कार्यकर्ताओं की समक्ष रखी तत्पश्चात पूर्व अध्यक्ष श्रुति वर्मा ने वर्ष 2022-23 की कार्यकारिणी को भंग किया। चुनाव प्रक्रिया आरंभ करते हुए चुनाव अधिकारी के रूप में उपस्थित हुए प्रदेश विभाग संयोजक समीर ठाकुर ने वर्ष 2023-24 की कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें इकाई अध्यक्ष के रूप में पंकज शर्मा व इकाई सचिव करण उनियाल को चुना गया है। नवनिर्वाचित इकाई अध्यक्ष ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सांध्यकालीन महाविद्यालय शिमला में लगातार विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर संघर्षरत है और आने वाले समय में विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्याएं महाविद्यालय मैं पेश न आए इसके लिए विद्यार्थी परिषद हमेशा सफल प्रयास करेगी, वही नवनिर्वाचित इकाई सचिव करण ने कहा कि सांध्यकालीन महाविद्यालय पूरे प्रदेश में एकमात्र शिमला में है, जिसमें ऐसे विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जो कि या तो आर्थिक रूप से कमजोर हंै या अपनी शिक्षा दिन के समय में किसी कारणवश पूरी नहीं कर सकते हैं। महाविद्यालय में विद्यार्थी को किसी भी प्रकार की समस्याओं का समाधान न हो और उन समस्याओं के प्रति आवाज उठाकर समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार के खिलाफ या प्रशासन के खिलाफ विद्यार्थी परिषद को आंदोलन भी करना पड़ा तो उसे आंदोलन करने से विद्यार्थी परिषद गुरेज नहीं करेगी।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय समाज कार्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपमा भारती द्वारा आज एक फील्ड कार्य आयोजित किया गया। इसमें उन्होंने हाल ही में समरहिल के शिव बावड़ी में हुई आपदा का क्षेत्र चिह्नित किया। इसमें समाज कार्य के 25 छात्रों ने भाग लिया और प्रभावित क्षेत्र के आसपास का जायजा लेते हुए वहां के स्थानीय लोगों की राय ली। उस भयानक आपदा के बाद अभी भी वहां के लोगों के अंदर डर का माहौल बना हुआ हैं। डॉ. अनुपमा भारती ने बताया कि समाज कार्य विभाग द्वारा आने वाले समय में आपदा के प्रति लोगों को जागरूक करने का भरपूर प्रयास किया जाएगा। समाज कार्य विभाग समाज के अंदर अनेक घटनाओं के बारे में समय-समय पर लोगों को जागरूक करता आया है और आगे भी जागरूक करता रहेगा।
रिलायंस जियो की मदद से शूलिनी यूनिवर्सिटी अब 5जी से सुसज्जित परिसर होगा और परिसर के हर कोने में 5जी की तेज गति लाने वाला पहला और एकमात्र ऑपरेटर बन गया है। 5000 से अधिक छात्रों और स्टाफ सदस्यों को लाभ मिलने के साथ, जियो की 5जी सेवाएं कनेक्टिविटी, सीखने और नवाचारों के तरीके में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए तैयार हैं। 5जी सेवाएं 1 जीबीपीएस की गति से असीमित डेटा प्रदान करेगी। यह अल्ट्रा-हाई-स्पीड कनेक्टिविटी छात्रों और संकाय को निर्बाध और तात्कालिक डेटा ट्रांसफर का अनुभव करने की अनुमति भी देगी, जो वास्तविक समय सहयोग, उन्नत दूरस्थ शिक्षा, आभासी कक्षाओं और इंटरैक्टिव सत्रों का मार्ग प्रशस्त करती है। ये क्षमताएं सीखने के अनुभव को समृद्ध करती हैं और इसे अधिक गतिशील और गहन बनाती हैं। रिलायंस जियो के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी नीलेश भट्ट ने साझा किया कि जियो युवा ऊर्जा के जीवंत केंद्र शूलिनी विश्वविद्यालय में जियो 5जी सेवाओं को पेश करने से रोमांचित और सम्मानित महसूस कर रहा है। यह पहल भारत के युवाओं को सशक्त बनाने के हमारे मिशन के अनुरूप है। शूलिनी विश्वविद्यालय में इनोवेशन एंड मार्केटिंग के अध्यक्ष और सह-संस्थापक आशीष खोसला ने कहा कि हमारे परिसर में रिलायंस जियो 5जी की शुरुआत भारत और विदेशों से हमारे छात्रों के लिए अवसरों के दायरे की शुरुआत करती है। यह न केवल एक तकनीकी का प्रतिनिधित्व कर रहा है बल्कि अधिक परस्पर जुड़े और ज्ञान-संचालित शैक्षिक वातावरण के लिए उत्प्रेरक के रूप में भी कार्य करेगी।
-शिक्षा मंत्री ने एमएमयू समेत 3 निजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों की जांच के दिए निर्देश सोलन जिले में स्थित महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी (एमएमयू) जांच के घेरे में आ गई है। राज्य सरकार ने एमएमयू समेत तीन निजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों के कामकाज पर जांच बैठा दी है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने निजी मेडिकल कॉलेजों की फीस में एकरूपता लाने को शिक्षा सचिव राकेश कंवर की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की है। जानकारी के अनुसार सरकार की ओर से स्टेट कोटे की सीटें कम करने और मैनेजमेंट कोटे में अधिक फीस लेने के आरोपों की जांच करवाई जा रही है। गौरतलब है कि विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान एमएमयू और कॉलेज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। इसी कड़ी में शिक्षा मंत्री ने जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा मंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों के फीस ढांचे को शिक्षा विभाग मंजूरी देता है। सोलन जिले में स्थित मेडिकल कॉलेज में कई अनियमितताएं हो रही हैं। स्टेट कोटे की 50 फीसदी सीटों में गिरावट आई है। फीस में भी काफी अंतर है। पांच वर्ष के मेडिकल कोर्स की फीस करीब 50.82 लाख रुपये है। मैनेजमेंट कोटे में दोगुनी करीब 96 लाख रुपये फीस बनती है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि ट्यूशन फीस, बिल्डिंग फंड और हॉस्टल फीस की भी जांच की जाएगी। स्टेट कोटे की सीटों में कमी क्यों हुई है, इसका भी पता लगाया जाएगा। अब दोबारा से क्या इन सीटों को बढ़ाने के लिए संशोधन किया जा सकता है या नहीं, इसका पता भी जांच कमेटी लगाएगी।
कुल्लू जिले में भारी बारिश के कारण सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त होने से बाधित वॉल्बो बस सेवा का मनाली के लिए परिचालन आज पुन: आरंभ हुआ। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में लगभग 80 दिनों के बाद आज वॉल्वो बस पहुंची है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि मनाली के लिए वॉल्वो बस सेवा के परिचालन से जिले सहित मनाली क्षेत्र में गत माह आई आपदा के बाद बन्द पड़ी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मनाली पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने इससे पूर्व पतलीकूहल से वॉल्वो बस को हरी झंडी दिखा कर स्वयं बस में मनाली तक सफर किया। इस दौरान वॉल्वो बस में उनके साथ उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, भारतीय राष्ट्रीय उच्चमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.) के परियोजना निदेशक वरुण चारी, एन.एच.ए.आई. तकनीकी प्रबंधक आदित्य धर द्विवेदी, एसडीएम मनाली रमन शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक मनाली के.डी. शर्मा, आर. एम. कुल्लू, अन्य अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी मनाली तक वॉल्वो बस में सफर किया। भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि वॉल्वो बस के मनाली तक आरम्भ होने से अब पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इन दिनों जिले का मौसम बहुत ही सुहाना है। वॉल्वो बस के आरम्भ होने से अब पर्यटक यहां की हसीन वादियों का लुत्फ उठाने के लिए मनाली आएंगे। उन्होंने मनाली तक वॉल्वो बस योग्य सड़क तैयार करवाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सड़क मरम्मत का मामला केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा। उन्होंने जिला प्रशासन व एन.एच.ए.आई. के अधिकारियों का मनाली तक वाल्वो बस की आवाजाही के लिए सड़क तैयार करने का धन्यवाद किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि दशहरे से पूर्व इस मार्ग पर ब्लैकटॉप का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। वॉल्वो बस के मनाली पहुंचने पर होटल व्यवसायों सहित और स्थानीय लोगो ने प्रसन्नता व्यक्त की।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज शिमला से प्रदेश में मानसिक स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल व गुणात्मक उपचार के लिए केंद्र प्रायोजित टेली-मानस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. शांडिल ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक-निजी भागीदारी से (पीपी मोड) प्रदेशभर में कॉल सेंटर खोले जाएंगे। इन केंद्रों में रोगियों व उनके सहायकों से समस्या जान कर उपचार व परामर्श की सुविधा प्रतिदिन चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी। प्रारम्भ में इसके लिए आठ मनोचिकित्सक तैनात किए जाएंगे और प्रदेश में रोगियों की संख्या एवं मांग के आधार पर केंद्रों व चिकित्सकों की संख्या को बढ़ाने का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत किसी भी प्रकार की मानसिक या भावनात्मक समस्या के निदान के लिए टॉल फ्री नंबर 14416 या 1800-891-4416 पर कॉल कर टेली मानस केंद्र में संपर्क कर मनोचिकित्सक या डॉक्टर से उपचार परामर्श प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि रोगियों को सुलभ एवं गुणात्मक मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं भौतिक एवं ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध होंगी। इसमें राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान बैंगलुरू तथा आईआईआईटी बैंगलुरू तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगे। इसके लिए इंस्टीच्यूट ऑफ ह्यूमन बीहेवियर एंड एलाईड साईंसेज, दिल्ली को प्रदेश का क्षेत्रीय समन्वय केंद्र निर्धारित किया गया है और यह केंद्र क्षमता निर्माण में हिमाचल की मदद करेगा। इस कार्यक्रम के लिए इंदिरा गांधी राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, शिमला संरक्षक संस्थान के रूप में कार्य करेगा और राज्य विशिष्ट प्रोटोकॉल व दिशा-निर्देश विकसित करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मनोचिकित्सा सेवा शुरू करने के लिए केंद्र द्वारा एक करोड़ छह लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है। टेली-मानस कार्यक्रम द्वारा प्रदेश के मनोरोगियों के उपचार के लिए उदारतापूर्ण वित्तीय सहयोग राशि प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने केेंद्र सरकार का आभार भी जताया। कार्यक्रम के तहत राज्य टेली मानस प्रकोष्ठ में रोगियों की ऑनलाईन कांउसलिंग के लिए प्रशिक्षित परामर्शदाता (काउंसलर) उपलब्ध करवाए गए हैं। कॉल सेंटर से जिन रोगियों को व्यक्तिगत तौर पर चिकित्सक से मिलने का परामर्श दिया जाएगा, ऐसे रोगियों को चिकित्सा महाविद्यालयों तथा जिला स्तरीय अस्पतालों में मनोचिकित्सक द्वारा उपचार उपलब्ध होगा। वर्तमान में राज्य भर में 30 मनोरोग विशेषज्ञ उपलब्ध हैं जो जिला स्तरीय चिकित्सकीय संस्थानों में भी सेवाएं उपलब्ध करवायेंगे। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में मानसिक व्याधियों के रोगियों व उनके परिजनों की समस्याओं के निदान के लिए हर समय परामर्शदाता उपलब्ध रहेंगे। डॉ. शांडिल ने कहा कार्यक्रम के तहत किशोर वर्ग के स्कूली और महाविद्यालय स्तर के छात्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन सहित विद्यालय व महाविद्यालयों में युवाओं में बढ़ते दबाव को कम करने में यह कार्यक्रम उपयोगी सिद्ध होगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों व जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से टेली मैंटल हेल्थ सर्विसिज बारे व्यापक चर्चा भी की। प्रदेश में इस प्रणाली केे सफल क्रियान्वयन के लिए उन्होंने इसके समुचित प्रचार-प्रसार बारे आवश्यक निर्देश भी दिए। सचिव स्वास्थ्य एम.सुधा देवी ने कहा कि विद्यालयों व महाविद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाना आवश्यक है। उन्होंने अत्यावश्यक सेवाओं के हेल्प नम्बरों की भांति टेली मानस सेवा के टॉल फ्री नंबर के पोस्टर शिक्षण संस्थानों, ग्रामीण तथा शहरी निकायों में लगाने का सुझाव दिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रबंध निदेशक प्रियंका वर्मा, निदेशक स्वास्थ्य डॉ. गोपाल बेरी, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान एवं चिकित्सालय के मनोचिकित्सक डॉ. दिनेश दत्त शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेखा चौपड़ा, राज्य कार्यक्रम अधिकारी गोपाल चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
डॉ. एमएस के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए आज शूलिनी विश्वविद्यालय में एक शोक सभा आयोजित की गई। स्वामीनाथन, भारतीय कृषि में अग्रणी और सम्मानित भारत में हरित क्रांति के जनक है। डॉ. स्वामीनाथन न केवल कृषि के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यक्ति थे, बल्कि शूलिनी विश्वविद्यालय के एक प्रतिष्ठित समर्थक भी थे, जिससे उन्हें शूलिनी समुदाय के बीच केयरिंग मेंटर की उपाधि मिली। चुनौतीपूर्ण समय के दौरान डॉ. प्रेम कुमार खोसला को डॉ. स्वामीनाथन के अटूट समर्थन और मार्गदर्शन ने विश्वविद्यालय की यात्रा पर एक अमिट छाप छोड़ी। कृषि अनुसंधान और शिक्षा को आगे बढ़ाने के प्रति उनका समर्पण शूलिनी विश्वविद्यालय के मिशन के साथ पूरी तरह मेल खाता है। उनके योगदान के सम्मान में, शूलिनी विश्वविद्यालय में कृषि विद्यालय का नाम प्रसिद्ध डॉ. एमएस के नाम पर रखा गया है। चांसलर प्रोफेसर पी के खोसला के नेतृत्व में शूलिनी विश्वविद्यालय के शीर्ष संकाय सदस्यों द्वारा उनकी स्मृति में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने कहा कि डॉ. स्वामीनाथन एक असाधारण व्यक्तित्व थे जिनके काम ने कृषि में क्रांति ला दी। उन्होंने कहा कि इसने न केवल लाखों किसानों के जीवन को बदल दिया बल्कि भारत की खाद्य सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। डॉ. स्वामीनाथन के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत ग्राम पंचायत चलाली वृत्त समनोली में बाल विकास परियोजना अधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें गांव की 80 महिलाओं ने भाग लिया। सीडीपीओ अनिल कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत मोटे अनाज को विभिन्न रूपों में अपने आहार में शामिल करना और भोजन में विविधता लाना, ताकि कुपोषण दूर किया जा सके। इस मौके पर वृत्त पर्यवेक्षक रक्षा देवी ने भी पोषण माह पर विस्तृत जानकारी दी साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधा, रीतु, रीना, मधुबाला मीना, त्रिशला देवी, अंजू देवी ने भी अलग-अलग विषयों पर जानकारी प्रदान की इस मौके पर आई सभी महिलाओं के लिए खान-पान का भी प्रबंध किया गया था।
संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ तहसील इकाई खुंडियां ने वीरवार को तहसीलदार सुभाष कुमार मल्होत्रा के माध्यम से संशोधित भू-राजस्व विधेयक के विरोध में मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन दिया। संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ हिमाचल प्रदेश आपका कल्याणकारी ध्यान हाल ही में संशोधित राजस्व अधिनियम की ओर आकर्षित करते हुए आग्रह पूर्वक बताना चाहेगा कि इस संशोधन के माध्यम से राजस्व कार्यों को निपटाए जाने के लिए बनाई गई समय सीमा से महासंघ सहमत नहीं है। लोगों को समय पर सुविधा मिले इसका महासंघ स्वागत करता है, मगर यह केवल कानून बनाने से नहीं होगा, अपितु धरातल पर आवश्यक सुधार करने होंगे। वर्तमान समय में पटवारी, कानूनगो, नायब तहसीलदार व तहसीलदार स्तर तक के लगभग 25 से 70 फीसदी पद खाली चल रहे हैं। इसके अलावा पटवारी, कानूनगो को अपने राजस्व कार्य करने का तो समय ही नहीं मिल पाता। महासंघ आपके ध्यान में लाना चाहता है कि प्रदेश में पटवारी, कानूनगो को सप्ताह में तीन दिन कार्यालय में जरूरी तौर पर बैठने, फसल घास व वर्षा के समय के बाद साल में 3-4 महीने ही फील्ड संबंधी कार्य करने को मिलते है। एक कानूनगो ज्यादा से ज्यादा 5-7 निशानदेही के मामले एक माह में निपटा सकता है, जबकि उसके पास निशानदेही के प्रतिमाह 30 से 40 मामले आते हैं, ऐसी सूरत में आपके द्वारा तय की गई समय सीमा में काम केसे होगा इस पर विचार किया जाए। महासंघ आग्रह करता है कि पटवारी, कानूनगो एक माह में कौन-कौन से काम कितनी मात्रा में करेगा, इस बारे एक बिल लाने की कृपा करें।
डाडा सीबा में चल रहे गणपति महोत्सव के दसवें दिन वीरवार को विघ्नहर्ता भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन बहुत ही धूमधाम से किया गया। गणपति बप्पा को गाजे बाजे के साथ विदाई दी गई द्य इससे पूर्व भक्तों द्वारा सर्व कल्याण हेतु सुबह शिव मंदिर में यज्ञ किया गया। दोपहर 12 बजे भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गणेश भक्तों ने गणपति बप्पा के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत लगभग 4 बजे गणपति की प्रतिमा को एक मिनी ट्रक में रखकर विसर्जन की शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष गाजे बाजे के बीच मस्ती में नाचते हुए एक दूसरे पर रंग व गुलाल फेंक रहे थे और गणपति बप्पा मोरया के नारे लगा रहे थे। गणपति बप्पा मोरया की धुन से पूरा कस्बा गुंजायमान हो उठा। वहीं युवकों द्वारा ख़ुशी में पटाखे भी फोड़े गए। डाडा सीबा से ये शोभा यात्रा ब्यास नदी के किनारे पहुंची, जहां पर विशेष मुहूर्त में विधिवत पूजा अर्चना कर भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस मौके पर गणपति महोत्सव कमेटी डाडासीबा के सदस्य मनीष शर्मा, हैप्पी, मोहित शर्मा, सन्नी, सुमित, मोहित चौधरी, शुभम, बलबीर सिंह, दिनेश जस्वाल, विजय, रवि दत्त शर्मा, प्रवीण ठाकुर, अरुण पटियाल, मास्टर अनूप धीमान, रजत सूद, सूरज वर्मा, दीपू, कुशल शर्मा, राजेश कुमार, रुपिंदर सिंह सहित अन्य भक्त मौजूद थे।
-उद्योग मंत्री ने वामन द्वादशी मेला का किया समापन, विजेताओं को को बांटे पुरस्कार उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चैहान आज जिला सिरमौर के सराहां में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेला के समापन समारोह के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को मेले की बधाई दी और कहा कि मेले व त्यौहार हमारी पहाड़ी संस्कृति जीवंत रूप देते हैं, उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन में जन सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है वामन द्वादशी मेला न केवल आपसी मेल-जोल बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी अपनी एक विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू साधारण परिवार से निकल कर आए हैं जो हमेशा प्रदेश को मॉडल राज्य के रूप में आगे लाने में प्रयासरत हैं। घिन्नी घाट क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की मांग पर उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि बददी, कालाअंब व पांवटा साहिब औद्योगिक क्षेत्र की तरह पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के घिन्नी घाट को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में पहचान बनेगी व साथ ही हजारों युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध होगा। हर्षवर्धन चैहान ने कहा कि आपदा के कारण प्रदेश में 450 से अधिक लोगो की जान गई है तथा 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए प्रस्ताव पारित कर केन्द्र सरकार को भेजा है। परन्तु खेद का विषय है कि विपक्षी दलों ने इस प्रस्ताव का समर्थन नही किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा तथा सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को थमने नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को 4 साल के कार्यकाल में प्रदेश के विकास की याद नही आई और अन्तिम वर्ष में बिना बजट प्रावधान के अनेक संस्थान खोल दिये गए। इन संस्थानों के लिए स्टाफ व भवन का भी कोई प्रावधान नहीं किया गया। बिजली विभाग में पिछले कई सालों में मात्र 4 कार्यालय खुले थे, जबकि पूर्व की सरकार ने 34 कार्यालय बिना बजट प्रावधान के ही खोल दिये। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सराहां अस्पताल को 100 बिस्तरों की सुविधा प्रदान कर दी जाएगी तथा कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराहां के पुराने हो चुके भवन को गिराकर नया भवन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह पूरे प्रदेश के मंत्री है जिस कारण व्यस्तता अधिक बड जाती है इसके बावजूद भी क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं को लेकर उनके समक्ष कभी भी उपस्थित हो सकते है तथा उनके द्वारा समस्याओं का निराकरण करने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने मेले पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया। इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप व विधायक रीना कश्यप ने अपने संबोधन में क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश सचिव दयाल प्यारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार आमजन के साथ खडी रही है। उन्होंने घिन्नी घाट को औद्योगिक क्षेत्र बनाने के साथ विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र भी सौपा। उद्योग मंत्री ने विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों व स्थानीय लोगों द्वारा लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा मेले के दौरान आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। पुरुष वर्ग में आयोजित कुश्ती मुकाबले में गुड़गांव के आशीष ने माली जीती जिसे 51 हजार रुपये तथा उपविजेता दिल्ली के प्रशांत को 31 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया। महिला कुश्ती में सोनीपत की काजल को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार तथा दिल्ली की बबीता को 11 हजार का द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आनंद परमार, सचिव महिला कांग्रेस राजेश्वरी शर्मा, एसडीएम एवं सदस्य सचिव मेला कमेटी डॉ. संजीव धीमान, जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा, अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी पच्छाद जगत सिंह व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश की बेटी ने एक बार फिर देश का मान बढ़ाया है। बलजीत कौर ने इस बार अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किली मंजारो पर फतेह हासिल की है। यह प्रदेश सहित देश के लिए गर्व का विषय है। बलजीत ने कीली मंजारों पर 26 सितंबर को दोपहर 3 बजे फतेह हासिल की। बता दे कि बलजीत माउंट अनापूर्ण के हादसे के बाद फिर से क्लाइंबिंग पर डट गई है और उसका पहला ही परिणाम माउंट कीली मंजारो पर फतेह के साथ सामने आया है। आपको बता दें कि माउंट अन्नपूर्णा में हादसा पेश आया था, जिसके बाद बलजीत और कुछ अन्य पर्वतारोहियों को मृत घोषित कर दिया गया था लेकिन बलजीत के बुलंद हौसले के आगे मौत भी हार गई और बलजीत को वहां से कुछ समय के बाद रेस्क्यू कर लिया गया था। बलजीत अभी तक कुल 26 चोटियों पर फतेह कर चुकी है, जिसमें माउंट एवरेस्ट सहित दुनिया की सबसे खतरनाक चोटियां में शामिल माउंट अन्नपूर्णा शामिल है। इसके अलावा बलजीत पामोरी माउंटेन पर फतेह करने वाली पहली भारतीय महिला है। बलजीत ने कहा कि माउंट अन्नार्णा के हादसे के बाद उन्होंने खुद पर फिर से काम किया और कड़ी मेहनत के बाद फिर से खुद को तैयार किया। उन्होंने कहा कि इस हादसे के बाद उन्होंने माउंट कीली मंजारों पर फतेह हासिल की है। माउंट कीली मंजरो अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी है।
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) चंडीगढ़ के दल ने मंडी में अपना कार्य करना शुरू कर दिया है। दल ने पहले दिन मंडी के विश्वकर्मा मंदिर के पास हुए भूस्खलन की टोटल स्टेशन की मदद से डिटेल मैपिंग की। यह दल मंडी की टारना पहाड़ी में बरसात में हुए भूस्खलन और भूधंसाव के कारणों को खंगालने और इसे रोकने के उपाय सुझाने के लिए का यह दल बुधवार को मंडी पहुंचा है। यह दल अगले दो सप्ताह तक टारना पहाड़ी की डिटेल मैपिंग करने के साथ ही यहां की मिट्टी की ताकत जांचने के लिए इसके नमूने लेकर प्रयोगशाला में उनका अध्ययन करेंगे। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के इस दल में भूविज्ञानी श्रेयसी महापात्रा और तृप्ति बाबा शामिल हैं। टोटल स्टेशन उपकरण के माध्यम से भूविज्ञानी जगह की डिटेल मैपिंग करते हैं। इसके द्वारा रेखाओं के बीच की दूरी और कोण, किसी जगह पर बिंदुओं की ऊंचाई, ढलान आदि को मापा जाता है। टोटल स्टेशन में एकत्रित और संसाधित किए गए डाटा का विश्लेषण करने के लिए कंप्यूटर में डाउनलोड किया जाता है।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी 29 सितंबर को जिला सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आ रहे हैं। संजय अवस्थी सुबह 11.00 बजे अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मटेरनी में उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करेंगे। तदोपरांत राजकीय प्रारंभिक पाठशाला बानी मटेरनी में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
मानसून सीजन के दौरान कांगड़ा जिला में बादल फटने, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण हुए नुकसान का मौके पर जायजा लेने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम के चार सदस्यीय दल ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वित्तीय सलाहकार रविनेश कुमार के नेतृत्व में आज को कांगड़ा जिला के जवाली, फतेहपुर तथा इंदौरा उपमंडल में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। दल के अन्य सदस्यों में वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के उप निदेशक महेश कुमार, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपायुक्त डॉ. सुधीर सिंह भदौरिया,अंतरिक्ष विभाग के राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र (एनआरएससी) के वैज्ञानिक अभिनव शुक्ला शामिल रहे। इस दौरान प्रदेश सरकार में विशेष सचिव एवं निदेशक राजस्व तथा आपदा प्रबंधन दुनी चंद राणा तथा उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल भी साथ रहे। सबसे पहले केंद्रीय दल ने जवाली विधानसभा क्षेत्र के तहत न्यांगल तथा अनुही गांव में भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त मकानों का मौके पर जाकर निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया तथा प्रभावित परिवारों से घटनाक्रम बारे जानकारी ली। टीम ने अनुही खास में सिद्धाथा नहर बैराज तथा क्षतिग्रस्त अन्य पेयजल योजनाओं का भी निरीक्षण किया। इसके पश्चात, केंद्रीय टीम ने इंदौरा तथा फतेहपुर उपमंडल में पौंग बांध से एकाएक अत्यधिक पानी छोड़ने की वजह से इन क्षेत्रों में आई बाढ़ से प्रभावित जगहों का दौरा कर नुकसान का आकलन किया तथा प्रभावित परिवारों से बातचीत कर घटित घटनाक्रम तथा बाढ़ से उत्पन्न चुनौतियों बारे जानकारी ली। प्रभावित लोगों ने नुकसान का विस्तार से वर्णन किया और भविष्य में ऐसी स्थिति व चुनौती से निपटने के लिए अपने सुझाव भी दिए। केंद्रीय दल ने इंदौरा उपमंडल के तहत टांडा पत्तन, मंड म्यानी तथा मंड सनौर में बाढ़ से प्रभावित सिंचाई परियोजनाओं तथा किसानों की तबाह फसलों के नुकसान का जायजा किया। इसके पश्चात केंद्रीय दल ने फतेहपुर उपमंडल के तहत मंड बहादपुर, अनाज मंडी पुल का भी दौरा किया। केंद्रीय दल ने पंजाब-हिमाचल को जोड़ने वाले चक्की पुल तथा इंदौरा उपमंडल के ढांगू माजरा में क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण किया। इससे पहले, सुबह केंद्रीय टीम ने गगल हवाई अड्डा पर ज़िला प्रशासन के साथ बैठक की। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कांगड़ा जिला में बरसात के दौरान हुए नुकसान बारे टीम के समक्ष विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपायुक्त ने बताया कि मानसून सीजन के दौरान जिला कांगड़ा में करीब 800 करोड़ रुपए की सरकारी तथा निजी संपत्ति का नुकसान हुआ है। केंद्रीय टीम ने सभी विभागाध्यक्षों से विभागवार हुए नुकसान का विस्तृत ब्यौरा भी लिया। इस मौके पर एसडीएम कांगड़ा सोमिल गौतम,एसडीएम जवाली बचित्र सिंह ठाकुर, एसडीएम इंदौरा डॉ. सुरिंद्र ठाकुर, एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती, टांडा मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त निदेशक डॉ. (मेजर) अवनींद्र कुमार, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता विकास बख्शी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता महेंद्र धीमान, बागवानी विभाग के उपनिदेशक कमलशील नेगी, कृषि विभाग के उपनिदेशक राहुल कटोच सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्रीय अंतर मंत्रालय दल 29 सितंबर को सोलन जिला में भारी वर्षा के कारण प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन करेगा। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने दी। अजय यादव ने कहा कि केंद्रीय अंतर मंत्रालय दल 29 सितंबर को प्रात: 10.00 बजे ज़िला सोलन के बद्दी शहर के लक्कड़ डिप्पू पुल तथा सन-सिटी मार्ग में हुए नुकसान का आकलन करेगा। दल तदोपरांत प्रात: 10.45 बजे दून विधानसभा क्षेत्र के साईं गांव तथा प्रात: 11.45 बजे रामशहर में भारी वर्षा के कारण हुए नुकसान का जायज़ा लेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दल इसके पश्चात दोपहर 2.15 बजे दभोटा टोल बेरियर का निरीक्षण करेगा। राष्ट्रीय दल इसके उपरांत सांय 03.15 बजे नालागढ़ उपमंडल के गांव घनेरी में भारी वर्षा के कारण हुए नुकसान का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विख्यात कृषि विज्ञानी एवं भारत में हरित क्रांति के जनक डॉ. एमएस स्वामीनाथन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उनका 98 वर्ष की आयु में आज वीरवार को चेन्नई स्थित आवास में निधन हो गया। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में हरित क्रांति के प्रणेता रहे डॉ. स्वामीनाथन का कृषि क्षेत्र के विकास में योगदान अविस्मरणीय है। देश के सर्वांगीण विकास के लिए भी वह अपना सतत् योगदान प्रदान करते रहे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
13 वर्ष पुरानी शूलिनी यूनिवर्सिटी ने लगातार दूसरे वर्ष प्रतिष्ठित टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) द्वारा 2024 के लिए जारी ग्लोबल रैंकिंग में देश के सभी प्राइवेट यूनिवर्सिटीज में टॉप स्थान हासिल किया है। शूलिनी यूनिवर्सिटी ने दो पैरामीटर्स-रिसर्च क्वालिटी और इंटरनेशनल आउटलुक में भी भारत में नंबर एक स्थान हासिल किया है। इसने सब-पैरामीटर्स में से एक, यानी रिसर्च स्ट्रेंथ में भी 100 अंक हासिल किए। जबकि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी को देश में टॉप इंस्टिट्यूट घोषित किया गया था, चार इंस्टिट्यूट्स को 501-600 ग्लोबल कैटेगरी में रखा गया था, जिसमें शूलिनी यूनिवर्सिटी, सोलन, अन्ना यूनिवर्सिटी, जामा मिल्लिया इस्लामिया और महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट दूसरे स्थान पर थे। हालांकि, शूलिनी ने 44.85 अंकों का ओवरऑल स्कोर हासिल करके कैटेगरी में अन्य तीन का प्रतिनिधि किया। महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी को 44.22, जामिया को 43.49 और अन्ना यूनिवर्सिटी को 42.36 अंक मिले। यह उन सभी आईआईटी से भी आगे है जिन्होंने इस साल रैंकिंग में हिस्सा लिया था। इस वर्ष की रैंकिंग में कटौती करने वाले भारतीय विश्वविद्यालयों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, पिछले वर्ष के 75 की तुलना में 91 विश्वविद्यालयों को स्थान मिला है। चांसलर प्रो. पीके खोसला ने उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए फैकल्टी मेंबर्स और रिसर्चर्स की सराहना करते हुए, उनसे अगली बार और भी बेहतर स्कोर के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए कहा। प्रो. चांसलर विशाल आनंद ने कहा कि रैंकिंग निरंतर गुणवत्ता का एक स्पष्ट संकेतक है जो शूलिनी लर्निंग, रिसर्च और इन्नोवेशन के विभिन्न पैरामीटर्स पर कम्युनिटी को प्रदान करने में सक्षम है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि आने वाले वर्षों में ग्लोबल टॉप 200 यूनिवर्सिटी बनाने का हमारा लक्ष्य हासिल हो जाएगा। वाईस चांसलर प्रो. अतुल खोसला ने फैकल्टी और रिसर्चर्स को बधाई दी और कहा कि शूलिनी यूनिवर्सिटी सभी आईआईटी से आगे गर्व से खड़ा है, जो अग्रणी अनुसंधान के प्रति हमारे अटूट समर्पण को रेखांकित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि यूनिवर्सिटी ने रिसर्च, क्वालिटी और इंटरनेशनल आउटलुक के पैरामीटर्स में भारत में नंबर 1 स्थान हासिल किया है। हाल ही में टीएचई ने सर्वश्रेष्ठ लघु विश्वविद्यालयों की रैंकिंग, 2023 के तहत शूलिनी यूनिवर्सिटी को विश्व स्तर पर 19वां और भारत का नंबर 1 निजी विश्वविद्यालय का दर्जा दिया था। कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को दुनिया में शीर्ष स्थान दिया गया था, जबकि आईआईएससी बैंगलोर को विश्व स्तर पर 10वां और भारत में नंबर एक स्थान दिया गया था।
-कहा, शक्तिपीठ को जल्द मिलेगा नया लुक -तंगरोटी गांव में गणपति विसर्जन कार्यक्रम में की शिरकत कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व दिग्गज कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा का एक और बड़ा प्रोजेक्ट धर्मशाला व पूरे देश की जनता के नाम समर्पित होने जा रहा है। शक्तिपीठ चामुंडा नंदिकेश्वर धाम का गर्भ गृह भवन जल्द नए रंग-रूप में नजर आएगा। मंदिर में चल रहे कार्यों का जायजा लेने पहुंचे सुधीर शर्मा ने गुरुवार को यहां अधिकारियों से फीडबैक लेते हुए इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। सुधीर शर्मा ने बताया कि शक्तिपीठ बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा और ज्वालामुखी मंदिर की तरह अब चामुंडा देवी मंदिर भी तीन गुंबदों वाला होगा। एनआईटी हमीरपुर ने चामुंडा मंदिरा का संरचनात्मक डिजाइन तैयार किया है, जिसके आधार पर निर्माण कार्य किया जाएगा। मंदिर में बनने वाले तीनों गुंबदों का आकार एक-दूसरे से अलग होगा। चामुंडा मुख्य मंदिर की करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से तस्वीर बदली जाएगी। मंदिर के गर्भ गृह को छोडक़र शेष हिस्से को तोडक़र दोबारा तैयार किया जा रहा है। दिग्गज कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने बताया कि मुख्य मंदिर में एक ही गुंबद है, लेकिन जल्द मंदिर का सौंदर्यीकरण कर मंदिर के ऊपर तीन गुंबद बनाए जाएंगे। यह सारा निर्माण कार्य चामुंडा मंदिर में चढऩे वाले चढ़ावे से किया जा रहा है। सुधीर शर्मा ने कहा कि पर्यटन हिमाचल की रीढ़ है। इसके लिए वह गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि वह पर्यटन व्यवसासियों की दिक्कतों से भलि भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि इससे जिला कांगड़ा में धर्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। चामुंडा नंदिकेश्वर धाम परिसर में नया शिव मंदिर बनाया गया है। इसके अलावा मंदिर परिसर में तालाब और उसके बीच चलने वाली कश्तियां भी श्रद्धालुओं और बच्चों के लिए आकर्षण कर केंद्र रहती हैं। इसके अलावा कुछ समय पहले एशियन डेवलपमेंट बैंक ने मंदिर परिसर में अन्य निर्माण कार्य किए थे, जिसमें हॉल, लंगर भवन आधि शामिल हैं। सुधीर शर्मा ने कहा कि पूरे धर्मशाला हलके में आपदा से राहत व बचाव कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं। सभी पंचायतों से नुकसान की जानकारी जुटाई गई है। इससे पहले सुधीर शर्मा ने तंगरोटी में गणपति विसर्जन कार्यक्रम में शिरकत की। यह कार्यक्रम तंगरोटी में गणेश युवा क्लब द्वारा आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन धार्मिक व सामाजिक सौहार्द को आगे बढ़ाते हंै। उन्होंने स्थानीय युवाओं की तारीफ करते हुए आयेाजन की बधाई दी।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव हरि कृष्ण हिमराल व सत्यजीत नेगी ने वीरवार को दिल्ली में पार्टी नेताओं के साथ मुलाकात की। वीरवार सुबह वे दोनों नेताओं ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव केसी वेणुगोपाल, मुकुल वासनिकव, जयराम रमेश, पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा व वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार वी जॉर्ज से मुलाकात की। सभी नेताओं के साथ अलग अलग मुलाकात की गई। इस दौरान प्रदेश की संगठनात्मक रिपोर्ट उन्हें सौंपी गई। कांग्रेस सचिव हरि कृष्ण हिमराल ने बताया कि हाईकमान को प्रदेश में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम की पूरी रिपोर्ट सौंपी गई है। इसमें बताया गया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में मजबूती के साथ कार्य कर रही है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियां शुरू कर दी गई है। इसके लिए बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। दोनों नेताओं का पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल से भी मिलने का कार्यक्रम है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) गरली में वीरवार को अंडर-14 जिला स्तरीय लड़कियों की माईनर एवं मेजर खेलों का शुभारंभ किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि देहरा की एसडीएम शिल्पी बेक्टा ने शिरकत की। इस अवसर पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए, जिसकी अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध शर्मा ने की। प्रधानाचार्य ने बताया कि इन जिला स्तरीय खेलों में जिले के 23 शिक्षा खंडों की 897 छात्राएं भाग ले रही हैं व 230 अधिकारी भी इन खेलकूद स्पर्धाओं में अपनी ड्यूटी दे रहे हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के दौरान मुख्य रूप से वॉलीबाल, कबड्डी, खो खो, बैडमिंटन, हॉकी, बॉस्केटबाल और कुश्ती का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय इन खेलों का समापन रविवार को किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह 1 अक्तूबर से अपने संसदीय क्षेत्र मंडी के दौरे पर रहेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष के राजनैतिक सचिव कांग्रेस महामंत्री अमित पाल सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि प्रतिभा सिंह 1 अक्तूबर को सायं 3 बजे शिमला से मंडी के लिए रवाना होंगी। इस दिन रात्रि विश्राम परिधि गृह मंडी रहेगा। 2 व 3 अक्टूबर को प्रतिभा सिंह द्रंग विधानसभा क्षेत्र की भविन्न पंचायतों का दौरा कर जन समस्याओं को सुनेंगी और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक भी लेंगी। 2 अक्तूूबर को प्रतिभा सिंह तरियंबली में पतवार घर का उदघाटन करने के बाद कचोटघर, सिहुंन, टिक्कर, कथोग, रोपा, सिलब्धनी, सुधार व घरमेहड़ में जन समस्याओं के बाद सभाओं को भी संबोधित करेंगी। इस दिन रात्रि विश्राम लोकनिर्माण विश्राम गृह बरोट रहेगा। 3 अक्तूबर को प्रतिभा सिंह द्रंग विधानसभा के खलेल, बरोट,लपास, बरधान, लटराण, घमच्याना, झटिंगरी, उरला, नगाण व गवाली में जन समस्याओं को सुनेंगी। सांसद प्रतिभा सिंह 4 अक्तूूबर को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला विकास समन्वय समिति दिशा की बैठक की अध्यक्षता करेंगी। इसके बाद मंडी संसदीय क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगी। इस दिन रात्रि विश्राम मण्डी का परिधि गृह ही रहेगा।


















































