शहीद रोशन लाल के शहीदी दिवस पर उनके पैतृक गांव पपलोल में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रोहित भारद्वाज की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें शहीदों को श्रद्धांजलि एवं सैनिकों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रुप में खादी बोर्ड के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया उपस्थित रहे। इस आयोजन में शहीद परिवार सहित 10 सेवानिवृत्त सैनिकों को सम्मानित किया गया और साथ ही पपलोल गांव में शहीद रोशन लाल के निवास को जाने वाली सड़क का शिलान्यास भी किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी सोलन मंडल के अध्यक्ष मदन ठाकुर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र परिहार, शीला कुमारी, तरसेम भारती मंडल कोषाध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, ग्राम पंचायत पोधना की प्रधान अनीता, उपप्रधान संजीव के साथ शहिद रोशन क्लब पपलोल के सदस्य मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा सोलन मंडल समय-समय पर सैनिकों के सम्मान के कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रहेगी।
अवार्ड ऑफ प्रेस क्लब कुल्लू का आयोजन बुधवार दोपहर एक बजे देव सदन कुल्लू में होगा। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगें। जबकि बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी व उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग गेस्ट ऑफ ऑनर होंगें। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रधान धनेश गौतम ने बताया कि प्रेस क्लब समय-समय पर समाज की महान विभूतियों को सम्मानित करती रहती है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में सूत्रधार कला संगम के अध्यक्ष दिनेश सेन सहित उनकी टीम को अवार्ड आफ प्रेस क्लब से सम्मानित किया जाएगा। सूत्रधार कला संगम का कला व संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के क्षेत्र में सराहनीय भूमिका रही है। इसके अलावा सहकारिता के क्षेत्र में चैयरमेन भट्टीको को अवार्ड ऑफ प्रेस क्लब से सम्मानित किया जाएगा। भट्टीको का सहकारिता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान है और देश-विदेशों में कुल्वी शॉल की अलख जगाई है। वहीं सामाजिक कार्य के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए राधा एनजीओ मनाली को अवार्ड ऑफ प्रेस क्लब से सम्मानित किया जाएगा।
हमीरपुर: बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध में अब श्रद्धालु डिजिटल माध्यम से भी दान एवं चढ़ावा दे सकते हैं। जिलाधीश एवं बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास की आयुक्त देबश्वेता बनिक ने मंगलवार को मंदिर परिसर में डिजिटल सुविधा का शुभारंभ किया। जिलाधीश ने बताया कि डिजिटल दान के लिए मंदिर परिसर में अलग-अलग स्थानों पर पांच पीओएस मशीनें स्थापित की गई हैं। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के अलावा मंदिर प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी काफी सुविधा होगी तथा डिजिटल माध्यम से दिए गए दान एवं चढ़ावे की राशि की गिनती की आवश्यकता भी नहीं रहेगी। जिलाधीश ने सभी श्रद्धालुओं से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील भी की। इस अवसर पर बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं बड़सर के एसडीएम शशिपाल शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। जिलाधीश के दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश पुलिस की प्रथम भारतीय रिजर्व वाहिनी के एकलव्य कला मंच के कलाकारों ने दियोटसिद्ध में नुक्कड़ नाटक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को कोरोना के प्रति जागरुक किया। जिलाधीश ने इन कलाकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। एकलव्य कला मंच के कलाकारों ने मंगलवार को ही बड़सर में भी जागरुकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
महत्वाकांक्षी मातृ वंदना योजना से सोलन जिले में 16440 महिलाओं को लाभान्वित करने पर 6.40 करोड़ रुपए व्यय हुए हैं। यह जानकारी आज यहां जिला स्तरीय मातृ वंदना सप्ताह के समापन अवसर पर प्रदान की गई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग सोलन द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ.राजन उप्पल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। डाॅ.उप्पल ने इस अवसर पर कहा कि गर्भवती व धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य का पूर्ण ध्यान रखकर हम भविष्य की सुदृढ़ नींव रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में मातृ वंदना योजना विशेष रूप से सहायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने आग्रह किया कि इस योजना की जानकारी लक्षित वर्गों तक सरल भाषा में पहुंचाई जाए, ताकि वे इसका लाभ उठा सकें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मातृ वंदना योजना के प्रचार-प्रसार के लिए स्थापित हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए। समारोह में 03 सर्वश्रेष्ठ बाल विकास परियोजना अधिकारियों को सम्मानित किया गया। नालागढ़ बाल विकास परियोजना अधिकारी को प्रथम, बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर को द्वितीय, बाल विकास परियोजना अधिकारी कण्डाघाट को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विभिन्न आंगबाड़ी केन्द्रों की पर्यवेक्षिकाओं एवं कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी वृत्त कुम्हारहट्टी की कार्यकर्ताओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी डाॅ. पदम देव शर्मा, पवन कुमार, कविता गौतम, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, लाभार्थी महिलाएं डिम्पल, ललिता, शिखा, भावना इस अवसर पर उपस्थित थीं।
हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उप मुख्य सचेतक एवं भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी ने मंगलवार को भोरंज में आयोजित एक कार्यक्रम में क्षेत्र के 17 गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए धनराशि वितरित की। इस अवसर पर कमलेश कुमारी ने कहा कि गरीब लोगों के उत्थान के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं। पात्र एवं जरुरतमंद लोगों को इन योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से प्रदेश भर में गरीब परिवारों को पक्के मकान मुहैया करवाए जा रहे हैं। भोरंज विधानसभा क्षेत्र में भी कई लोग मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान बना चुके हैं। कमलेश कुमारी ने बताया कि मकान निर्माण के लिए आवंटित धनराशि के अलावा मनरेगा के माध्यम से 19 हजार रुपये और शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। उप मुख्य सचेतक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तहत श्रमिकों के बच्चों की छात्रवृत्ति राशि में भारी बढ़ोतरी की, जिससे श्रमिक वर्ग के बच्चे भी बेहतर शिक्षा ले सकेंगे। छात्रवृति के अलावा भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने श्रमिकों के लिए कई सुविधाओं का प्रावधान किया है। पात्र लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए। इस अवसर पर भोरंज भाजपा मंडल अध्यक्ष देश राज शर्मा, एसडीएम राकेश शर्मा और बीडीओ मनोज कुमार शर्मा ने भी अपने विचार रखे तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बीडीसी अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री चमन ठाकुर, अशोक ठाकुर और अन्य गणमान्य लोग भी उपथित थे।
कुनिहार पेंशनर यूनिट की बैठक प्रधान जगदीश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें सर्वसम्मति से मांग रखी गई की प्रदेश सरकार को सेंट्रल व पंजाब सरकार की तरह 11% डीए दिया जाए। साथ ही पंजाब सरकार की तरह नए वेतन आयोग को लागू किया। स्टेट एसोसिएशन को भी चाहिए कि वह जल्द मुख्यमंत्री जयराम से मिलकर कर्मचारियों की तरह पेंशनर की जेसीसी मीटिंग रखी जाए ताकि पुरानी मांगों को उनके समक्ष रखा जा सके। बैठक में वन विभाग के पेंशनर ने मामला उठाया कि डीएफओ के दफ्तर में कई महीनों से 7 लाख की राशि मेडिकल बिलों की अदायगी के लिए पड़ी है। मगर पेंशनरों को उनके बिलों की अदायगी नहीं की जा रही है। जबकि बहुत से पेंशनर गंभीर बीमारियों से पीड़ित है। बैठक में चेतराम भारद्वाज, धनीराम तनवर, सूर्यकांत जोशी, बाबूराम तंवर, दिलाराम तंवर, ज्ञान जोशी, मंसाराम पाठक, गोपाल पंवर, दिलाराम, जगदीश इत्यादि ने भाग लिया।
विभिन्न किसान संगठनों के संयुक्त किसान मंच की बैठक कोटखाई में आयोजित की गई। इस बैठक में कोटखाई क्षेत्र के किसानों व बागवानों के 7 संगठनों जिसमें किसान संघर्ष समिति, पीजीए, यंग ग्रोवर्स एसोसिएशन, हिमाचल किसान सभा, घ्याल पर्यावरण समिति, भारतीय किसान यूनियन, एप्पल ग्रोवर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिसमे संयुक्त किसान मंच के संजय चौहान, आशुतोष चौहान, सुशील चौहान, इनके साथ प्रताप चौहान, राजेश चौहान, अरुण, संजय धनी, सनी सेकटा के साथ ही इनके संगठन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त जिला परिषद सदस्य विशाल शांगटा, क्यारी पंचायत की दुर्मा चौहान के अतिरिक्त पूर्व प्रधान पवन चौहान, जगदीश शर्मा भी उपस्थित रहे। इसमे संयुक्त किसान मंच की 27 सदस्यीय क्षेत्रीय कमेटी का गठन किया गया। जिसमें संयोजक सुशील चौहान व सह संयोजक प्रताप ठाकुर को चुना गया। इनके अतिरिक्त आषुतोष, संजय धनी, राजेश चौहान, रोशन लाल राजटा, अरुण, दुर्मा चौहान, संजीव ठाकुर, विशाल शांगटा, पवन चौहान, सुनील चौहान, पदम सिंह, राजिंदर चौहान, मिथुन चौहान, अमित, सरोज चौहान, दलीप जस्टा, कमलजीत, सुनील, राजिंदर मेहता, सीमा, सनी सेकटा, कुलदीप शर्मा, सुरिंदर शर्मा, बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 सितम्बर को किसान संयुक्त मंच कोटखाई में प्रदर्शन किया जाएगा। इस बैठक में चर्चा करते हुए कहा कि आज कृषि खास रूप में सेब की खेती गंभीर संकट आ गया है। आज सरकार द्वारा बागवानी में दी जा रही सब्सिडी बन्द कर दी गई है। जिससे सेब की खेती की लागत बहुत अधिक बढ़ गई है। मौसम की मार से भी कृषि व सेब की खेती पर असर पड़ रहा है। एक ओर लागत निरन्तर बढ़ रही है वहीं उत्पादन व उत्पादकता घट रही है। इसके साथ सरकार व APMC की लचर कार्यप्रणाली से किसानों का मण्डियों में शोषण किया जा रहा है। आज मण्डियों में गैर कानूनी रूप से कारोबार किया जा रहा है। APMC कानून, 2005 के अनुसार जिस दिन मण्डी में किसान का उत्पाद बिकेगा उसी दिन उसका भुगतान किया जाएगा। परन्तु न तो अदानी और न ही मण्डियों में भुगतान कानून के अनुसार हो रहा है। इस बैठक में किसानों व बागवानों की समस्याओं के कारण पैदा हुए इस कृषि संकट के चलते संयुक्त किसान मंच द्वारा तय मांगो पर सहमति बनाई गई।
हिमाचल प्रदेश विद्युत परिषद सेवानिवृत्त पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन दाड़लाघाट एवं नम्होल यूनिट के प्रधान सुखराम नड्डा व महासचिव प्रेम केशव ने सयुंक्त ब्यान में कहा कि सामान्य वर्ग संयुक्त संघ के गठन का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि मंच को प्राथमिकता के आधार पर मान्यता दी जाए तथा इस वर्ग के बेरोजगारों को आर्थिक आधार पर रोजगार में पहल की जाए। इसके साथ अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट में 1992 के समझौते को जिसमें रोजगार की पहल लैंड लूजर व रोजगार न मिलने पर उपमंडलाधिकारी के समझौते को भी लागू किया जाए, ताकि सामान्य वर्ग के साथ जो अन्याय हो रहा है वह अन्याय रुके, क्योंकि बिलासपुर जिले की एसीसी कंपनी द्वारा अपने सभी लैंड लूजर व प्रभावितों को नौकरी में पहल दी जा रही है। इसी पहल को देखते हुए अम्बुजा प्रबंधन दाड़लाघाट भी 1992 में हुए समझौते की पहल करे, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके।
भाजपा युवा मोर्चा अर्की द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मपाल धर्मा को अर्की भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी बनाए जाने पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी है। वहीं दूसरी ओर धर्मपाल शर्मा ने भाजपा मंडल द्वारा उन्हें इस जिम्मेवारी को दिए जाने पर अपने वरिष्ठ नेता मंडल अध्यक्ष अर्की डीके शर्मा का हार्दिक धन्यवाद किया है। धर्मपाल धर्मा को मीडिया प्रभारी बनाए जाने पर महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना भारद्वाज, भाजपा मोर्चा महामंत्री सुनील शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर और महामंत्री विजय शर्मा तथा समस्त अर्की युवा मोर्चा के सदस्यों ने हार्दिक बधाई दी।
सुजानपुर के ऐतिहासिक मैदान नजदीक चिल्ड्रन पार्क में 10 सितंबर को गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। युवाओं के सहयोग से आयोजित होने वाले इस गणेश उत्सव में विशेष रुप से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल शिरकत करेंगे और शोभा यात्रा की अगुवाई करते हुए मूर्ति स्थापना में भाग लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री शुक्रवार को 11 बजे सुजानपुर बस स्टैंड पर पहुंचेंगे। आयोजन मंडली के सदस्य मनीष शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि गणेश उत्सव 10 सितंबर से 19 सितंबर तक आयोजित होगा। जिसमें प्रथम दिवस पर शोभा यात्रा के बाद मूर्ति स्थापना की जाएगी। प्रातः 10 बजे शोभा यात्रा शुरू होगी जो 12:30 बजे पंडाल स्थल पर पहुंचेगी। सुजानपुर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अंकुश गुप्ता ने बताया पूर्व मुख्यमंत्री मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में भाग लेने के बाद विश्राम गृह में लोगों से भी मिलेंगे।
दयानंद एंग्लो वैदिक पब्लिक स्कूल जोगिंदरनगर में हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया गया। स्कूल की शिक्षिका शिल्पा राणा व रुचि पंत ने कहा कि वे खुद को गौरवान्वित महसूस करती हैं कि उन्हें अपनी मातृभाषा पर अपने शब्दों को व्यक्त करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने क डीएवी जोगिंदर नगर के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज हिंदी पखवाड़े का सातवां दिन है और जिस विषय पर उन्हें अपने शब्दों को प्रकट करना है वह है -"वर्तमान समय में हिंदी की स्थिति।" उन्होंने कहा कि यह विषय किसी से भी अछूता नहीं है कि हिंदी हमारी राजभाषा है और इसे राजभाषा के रूप में पूर्ण सहमति 14 सितंबर 1949 को मिली थी। आज यह भाषा केवल भारत में ही नहीं अपितु संसार के हर कोने में अपनी एक विशेष जगह बना चुकी है। वंही उन्होंने कहा कि आज के समय में हिंदी केवल आम बोलचाल की भाषा तक ही सीमित रह गई है। अंग्रेजी का उपयोग हर क्षेत्र में किया जा रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि सभी अपनी राजभाषा को संजो कर रखें व उसका सम्मान करें।
धमान्दर 11 केवी लाईन में आवश्यक मुरम्मत के चलते यह लाईन 8 सितम्बर को बाधित रहेगी। यह जानकारी देते हुए सहायक अभियंता बिद्युत मण्डल राजगढ़ आदर्श वर्मा ने कहा कि प्रस्तावित मुरम्मत कार्य के चलते धमान्दर 11 केवी लाईन बन्द रहेगी। जिस कारण इसके आधीन आने वाले धमान्दर, कोटी पधोग, माटल बखोग, टाली भुज्जल, देवठी मझगांव, नेरीपुल व शिलाबाग क्षेत्रों में 8 सितंबर को बिजली आपूर्ति प्रातः नौ बजे से साँय छः बजे तक बंद रहेगी।
सोलन: सोलन टमाटर के लिए सबसे बड़ा उत्पादक शहर माना जाता है। बावजूद इसके शुरुआती दौर में टमाटर का रेट ना के बराबर मिलने के कारण किसानों की रीढ़ की हड्डी टूटती नज़र आ रही थी। शुरूआती दौर में किसानों को 100 रुपए से लेकर 150 रुपए तक ही प्रति क्रेट टमाटर के दाम मिल रहे थे। जिसके चलते किसानों को आर्थिक चिंता सता रही थी। लेकिन टमाटरों के दाम में हल्का उछाल देखने को मिला है। हालाँकि, वर्तमान में टमाटर के बढ़ते दामों से आर्थिक नुकसानों की भरपाई तो नहीं हो सकती, परन्तु यह मरहम का काम अवश्य कर सकता हैं। रोज़ाना घटते-बढ़ते दामों में अब किसानों को 300 से लेकर 550 रूपए क्रेट मूल्य प्राप्त हो रहें है। गौरतलब है कि अगर मौसम साथ दे तो सोलन में करीब दो लाख टन टमाटर का उत्पाद प्राप्त होता है।
आगामी 12 सितम्बर को विधान सभा क्षेत्र पच्छाद के विकास खण्ड राजगढ़ की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भडोली में आयोजित किए जाने वाले जनमंच कार्यक्रम से पूर्व क्षेत्र की पंचायतों में प्री जनमंच गतिविधियां आयोजित की जा रही है। यह जानकारी एसडीएम राजगढ़ सुरेन्द्र मोहन ने दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ राजीव सैजल की अध्यक्षता में आयोजित किए जाने वाले इस जनमंच कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोटी पधोग, माटल बखोग, टाली भुज्जल, देवठी मझगांव, कुडू लवाना, डिब्बर, चन्दोल, कोटला बांगी, धनच मानवा व जदोल टपरोली के लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत जदोल टपरोली व धनच मानवा में पूर्व जनमंच गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्री-जनमंच के दौरान लोगों की समस्याओं का निपटारा करने के साथ-साथ प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि जनमंच में लोगों की समस्याओं का निपटारा उनके घर द्वारा पर करने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र, लाइसेंस, उद्यान कार्ड, जमीन के इंतकाल सहित अन्य दस्तावेज मौके पर ही तैयार किए जाएंगे। उन्होंने इन पंचायतों के लोगों से जनमंच कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बिलासपुर सदर के विधायक सुभाष ठाकुर के पैतृक गांव बघड़ जाकर उनके पिता सदा राम ठाकुर के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजिन्द्र गर्ग, विधायक जेआर कटवाल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान तथा मण्डल अध्यक्ष हंस राज ने भी सुभाष ठाकुर के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कुल्लू: क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कुल्लू प्रकाश चंद आजाद ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल्लू क्षेत्र के अंतर्गत माह सितम्बर के लिए वाहनों की पासिंग/ ड्राईविंग टेस्ट हेतु शैड्यूल जारी कर दिया गया है। शैड्यूल के अनुसार कुल्लू में 25 तथा 29 सितम्बर को वाहनों की पासिंग, जबकि 18- 24 तथा 28 सितम्बर को ड्राईविंग टेस्ट लिए जाएंगे। इसी प्रकार मनाली में 23 सितम्बर को वाहनों की पासिंग, 22 सितम्बर को ड्राईविंग टेस्ट, बंजार में 17 सितम्बर को वाहनों की पासिंग तथा ड्राईविंग टेस्ट, केलांग में 21 सितम्बर को वाहनों की पासिंग तथा ड्राईविंग टेस्ट जबकि उदयपुर में 20 सितम्बर को वाहनों की पासिंग तथा ड्राईविंग टेस्ट लिए जाएंगे।
बाल विकास परियोजना विभाग कुल्लू द्वारा आज यानि मंगलवार को प्रधानमंत्री मातृ वंदना सप्ताह के समापन अवसर पर देवसदन में जिला स्तरीय अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की तथा वर्ष 2020-21 के दौरान जिला में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अन्य विभागीय कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को इस योजना के साथ जोड़कर लाभार्थियों को शीघ्र लाभ पहुंचाने के लिए उनका समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कोविड-19 के दौरान भी कोरोना वाॅरियर के रूप में सराहनीय कार्य किया है। आंगनवाड़ी केवल मात्र एक विभाग ही नहीं है अपितु एक माईक्रो यूनिट के रूप में कार्य करते हुए , ग्राम स्तर तक सामाजिक कार्यों को संचालित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, अंतरिक्ष, विज्ञान तथा समाज सेवा का क्षेत्र हो, महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी शक्ति का लोहा मनवाया है। अधिकार तथा कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं तथा महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए ताकि समाज में व्याप्त अत्याचारों तथा सामाजिक बुराईयों को जड़ से समाप्त किया जा सके। प्रधानमंत्री मातृ बंदना योजना के जिला समन्वयक नीरज शर्मा ने कुशलतापूर्वक मंच संचालन किया तथा विभागीय योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता पर आधारित एक शानदार तथा संदेशपूर्ण लघु नाटिका की भी प्रस्तुति दी।
कुल्लू : सरवरी बाजार में टीचर होम के पास पूरी सड़क पर नो पार्किंग जोन बनाया गया है। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी कुल्लू आशुतोष गर्ग द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेशों के बाद केवल आपातकाल वाहनों को छोड़कर कोई भी वाहन इस सड़क पर पार्क नहीं हो सकेंगे। पुलिस प्रशासन ने इस संबंध में जिला दंडाधिकारी को अवगत करवाया था कि इस स्थान पर लोग विभिन्न दुकानों से सामान लेने आते हैं और अव्यवस्थित तरीके से वाहन पार्क करते हैं। इससे ट्रेफिक जाम के साथ साथ पैदल चलने वाले लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसके चलते ही अब उक्त सड़क को नो पार्किंग जोन बनाया गया है। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। मामले पर कोई भी कोताही बरती गई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डॉ वाईएस परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में फ्रूटस एंड वेजीटेबल प्रोसेसिंग एवं बेकरी प्रोडक्टस पर आधारित एक साल के डिप्लोमा के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह डिप्लोमा विवि के फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग द़वारा करवाया जाता है। इस डिप्लोमा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को खाद्य प्रसंस्करण और बेकरी आइटम के क्षेत्र में अपने उद्यम शुरू करने के लिए प्रशिक्षित करना है। इस कार्यक्रम के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं है, जबकि इसमें कोई भी आयु सीमा नहीं रखी गई है। इस साल इस कार्यक्रम में प्रवेश लेने के लिए 20 सितम्बर तक आवेदन किया जा सकता है। कार्यक्रम में कुल 35 सीटें रखीं गई हैं। विश्वविद्यालय की वैबसाइट www.yspuniversity.ac.in पर जाकर प्रोस्पेक्टस और एप्लिकेशन फॉर्म डाऊनलोड़ किया जा सकता है। इस डिप्लोमा कार्यक्रम की फीस सिर्फ पाँच हज़ार रुपये रखी गई है। आवेदकों को कक्षा 10वीं एवं 12वीं विस्तृत मार्कशीट की प्रतियां, स्कूल के प्रमुख या किसी राजपत्रित अधिकारी या संबंधित ग्राम पंचायत प्रधान से चरित्र प्रमाण पत्र, आरक्षण प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) की स्व-सत्यापित प्रति, बैंक ड्राफ्ट( सामान्य श्रेणी के लिए 100 रुपये और एससी/एसटी के लिए 50 रुपये) के साथ संलग्न करना होगा। सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र पंजीकृत या स्पीड पोस्ट द्वारा सहायक रजिस्ट्रार (अकादमिक), रजिस्ट्रार कार्यालय, डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी-सोलन-173 230 को भेजना होगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय में फॉर्म जमा करवाए जा सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी बड़ोग फीडर के कार्य के कारण 11 केवी रबौण फीडर की विद्युत आपूर्ति 9 सितम्बर को बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 9 सितम्बर को प्रातः 9.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक वशिष्ट काॅलोनी, रबौण, नेगी काॅलोनी, राधा स्वामी सत्संग, कोविड अस्पताल, माहूनाग मंदिर, हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी फेज-1 एवं फेज-2, एससीईआरटी, ग्रीन वैली, देहूंघाट एवं इसके आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी बड़ोग फीडर के कार्य के कारण 11 केवी रबौण फीडर की विद्युत आपूर्ति 8 सितम्बर को बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 8 सितम्बर को प्रातः 9.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक पावर हाउस रोड, डाकघर सपरून एवं इसके आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 सितम्ब को विद्युत लाईनों के आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत सोलन के विभिन्न स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता विपुल कश्यप ने दी। विपुल कश्यप ने कहा कि इसके दृष्टिगत 9 सितम्बरको प्रातः 10.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक पवन विहार, पाॅल्ट्री फार्म तथा डिग्री काॅलेज एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि इसी दिन दोपहर 1.00 बजे से 2.30 बजे तक कोटला नाला, ऑफिसर काॅलोनी, तहसील परिसर, शनि मंदिर, जुब्बड़, मल निकासी संयंत्र, टैंक रोड, फोरेस्ट रोड, सेरी, मतियूल, खनोग, खलीफा लाॅज तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति अगले दिन बाधित की जाएगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रवीणा झा का 4 सितंबर को अकस्मात निधन हो गया। उनका स्मरण करते हुए विद्यालय में शोक सभा रखी गई। विद्यालय की प्रबंधन कमेटी के सदस्य तथा अध्यापकों ने स्वर्गीय प्रवीणा झा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और मौन रखा। प्रबंधन कमेटी के सदस्यों ने स्वर्गीय प्रधानाचार्या द्वारा किए गए कार्यों तथा उनके सकारात्मक व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने इतने कम समय में प्रबंधक कमेटी ,सभी अध्यापकों तथा बच्चों के साथ एक अटूट रिश्ता बना लिया था। उनका इस तरह चले जाना हम सबके लिए अविश्वसनीय तथा स्कूल के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
शिमला पुलिस थाना सदर में लोअर बाजार के चेतन पटियाल ने अपने पड़ोसी सौरभ के ख़िलाफ़ गाली गलौच व चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में कहा गया है कि सौरभ बीती शाम उसकी दुकान मिडल बाजार में आया और उसके साथ गाली गलौज और बहस बाजी करके चला गया। लगभग 6:10 बजे सौरव ने उसे आवाज लगाकर दुकान से बाहर बुलाया। जब वह बाहर गया तो सौरभ ने अचानक उस के पेट पर चाकू से हमला कर दिया जिससे उसे चोट आई है। पुलिस ने 324, 504, 506 IPC के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुल्लू में हिंदी पखवाड़ा के उपलक्ष्य में स्कूली विद्यार्थियों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 सितम्बर को आयोजित होगी। जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला कुल्लू द्वारा गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी हिन्दी पखवाड़ा के उपलक्ष्य में स्कूली विद्यार्थियों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जिला कुल्लू के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की भाषण, निबन्ध लेखन, नारा लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन चार चरणों में ऑनलाइन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में कक्षा 9वीं से जमा दो तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। हिन्दी भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘‘स्वतन्त्रता संग्राम में हिन्दी की भूमिका’’ समय सीमा-3 से 5 मिनट होगी। हिन्दी निबन्ध लेखन प्रतियोगिता का विषय ‘‘राष्ट्र के निर्माण में हिन्दी भाषा का योगदान’’ समय सीमा-एक घण्टा, शब्द सीमा-250 से 500 होगी। हिन्दी नारा लेखन का विषय ‘स्वर्णिम हिमाचल’ रहेगा। हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिन्दी साहित्य व हिन्दी व्याकरण से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। उन्होंने बताया कि महाविद्यालयों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता न होकर सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं शिमला के गेयटी थियेटर में 13 सितम्बर, 2021 से आयोजित की जाएंगी।
शिक्षा विभाग में कार्यरत 231 पीईटी को पदोन्नत करके डीपीई बनाया गया है। इस संबंध में राज्य उपाध्यक्ष डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि काफी लंबे समय के बाद एकमुश्त 231 शारीरिक अध्यापकों को पदोन्नति प्रदान करके डीपीई बनाया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक महासंघ द्वारा लगातार शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नति का मामला उठाया जा रहा था। जिसे सरकार द्वारा पदोन्नति प्रदान करके अंतिम रूप दे दिया गया है। इसे लेकर हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ की राज्य कार्यकारिणी में अखिल भारतीय संयुक्त सचिव पवन मिश्रा, प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार, राज्य महामंत्री विनोद सूद, प्रदेश मीडिया प्रभारी दर्शन लाल, भीष्म शर्मा, तीर्थ आनंद शर्मा, सुधीर गौतम, सोलन के प्रधान नरेंद्र कपिला, बिलासपुर से ललित मोहन, कुल्लू से चतर सिंह, किन्नौर से बलवीर नेगी ,जिला मंडी से भगत चंदेल, कांगड़ा से जोगिंदर शर्मा, हमीरपुर से नरेश शर्मा, सिरमौर से विजय कवर, ऊना से सुशील मल्होत्रा, शिमला से अशोक कुमार ,यशपाल, प्रकाश कौशल, सुमित भारद्वाज ,श्याम सिंह, रविंद्र कुमार ,किशन ठाकुर, सुरजीत शर्मा समेत सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश: जिला ऊना में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। अपर अंदोरा गाँव में गोली चलने से सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक बालक की पहचान समीर चौधरी पुत्र रामपाल के रूप में हुई है। वंही, आरोपी की पहचान नाम कुलदीप पुत्र शादीलाल के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को श्रद्धालुओं का जत्था अपर अंदोरा स्थित जठेरी माता मंदिर में दर्शन करने के लिए आया हुआ था। इस दौरान दोपहर के समय आरोपी मंदिर के नजदीक स्थित बाथरूम में गया। तो वहां पर बंदरों को मारने के लिए लोडिड गन रखी हुई थी। हड़बड़ाहट में आरोपी ने गन उठा ली। जिस कारण गन से निकली गोली बालक की छाती की में जा लगी। गोली लगने से बालक खून से लथपथ होकर गिर गया। गोली की आवाज़ सुनने पर सभी परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। बालक जल्द ही हॉस्पिटल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामला दर्ज़ कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिमला: हिमाचल में आपदा का दूसरा नाम है - सड़क दुर्घटना। एक दिन में औसतन के अनुसार तीन से चार लोगों की मौत सड़क हादसों में होती है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पहाड़ी प्रदेश की सड़कों पर सुरक्षित चलना कितना चुनौती भरा है। पिछले कई वर्षों से यह देखने में आया है कि हादसों का शिकार होने वालों में ज्यादातर संख्या युवाओं की है। प्रदेश में सड़क सुरक्षा और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्कूली स्तर पर बच्चे जागरूक होंगे, तभी वे युवावस्था में ज़िम्मेदारियों को सोच समझ कर सही फैसला ले सकेंगे। देखने में आया है कि लोग यातायात नियमों का पालन नहीं करते और हादसे का शिकार होते हैं। जिसके चलते दुर्घटना में उनकी मौत हो जाती है। ब्लैक स्पॉट यानी जहां हादसों की आशंका रहती है, उसे सुधारने की दिशा में उतनी तेजी से काम नहीं हो रहा, जितना अपेक्षित है। प्रदेश में हादसे रोकने के लिए सभी पक्षों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। सभी को समझना होगा कि यातायात नियमों का पालन, अपनी सुरक्षा के लिए करें न कि चालान के डर से। आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में तीन हजार के करीब सड़क हादसे हर साल होते है। जिनमें 1000 के लगभग लोगों कि मौत सड़क कि दुर्घटनाओं से होती है। इससे यह कहा जा सकता है कि अगर पहाड़ी क्षेत्रों में रहना आसान है तो सड़कों पर सुरक्षित चलना उतना ही चुनौती भरा भी है। सरकार को जल्द ही हादसे से जुड़े पहलुओं पर जागरूकता की कमी, निगरानी की पुख्ता व्यवस्था न होना, खस्ताहाल सड़कें, दोषियों को सख्त सजा का प्रविधान न होना, तेजरफ्तार, अप्रशिक्षित चालक व वाहनों की फिटनेस एहतियात के लिए कदम उठाना चाहिए। जिससे इन हादसों से बचा जा सके।
सोमवार यानी कल आम आदमी पार्टी विधानसभा क्षेत्र की साप्ताहिक मीटिंग सम्पन हुई। बैठक की अध्यक्षता विकास डोगरा ने की। इस बैठक में नवनियुक्त ओबीसी उपाध्यक्ष शैंकी ठुकराल भी उपस्थित रहे। आम आदमी पार्टी की इस मीटिंग में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। जिसमें की पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी राय व्यक्त की। आम आदमी पार्टी की इस मीटिंग में कुछ ज्वलनशील मुद्दे भी थे, जोकि काफी लम्बे अर्से से सरकार को ज्ञात है पर आज तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बैठक में आम आदमी पार्टी ने नादौन क्षेत्र में पार्क को लेकर मांग उठाई है। वंही उन्होंने कहा किनादौन अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ मौजूद न होने व पर्याप्त मशीनरी की सेवाएं न होने के चलते यह एक सफेद हाथी साबित हो रहा है। यह एक रेफरल यूनिट बनकर रह गया है। यह अस्पताल आसपास के बहुत सारे क्षेत्रों को सेवाएं देता है लेकिन प्रशासन की सुस्ती के कारण लोगों को टांडा और हमीरपुर के अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ते है। शैंकी ठुकराल का कहना है कि जल्द से जल्द प्रशासन इस पर ध्यान दें और आम जनता को इस अस्पताल की सभी सुविधाएं मुहैया करवाए। आम आदमी पार्टी जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है और हमारा आम जनता को शिक्षा स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाना ही एकमात्र उद्देश्य है।
शिमला: उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा सोमवार को प्रदेश के निजी और सरकारी कॉलेज प्रिंसिपलों को कॉलेजों में छह माह की एक साथ हॉस्टल और मेस फीस वसूल करने पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। कोरोना काल में अभिभावकों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने का हवाला देते हुए प्रिंसिपलों को विद्यार्थियों द्वारा मासिक या द्विमासिक आधार पर ही शुल्क लेने के लिए कहा गया है। उच्च शिक्षा निदेशक द्वारा बताया कि प्रदेश के कई डिग्री, बीएड, लॉ और संस्कृत के निजी और सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थियों से छह माह या उससे अधिक समय की हॉस्टल और मेस फीस लेने की शिकायतें उन्हें मिली हैं। जिसके चलते उन्होनें बताया कि कोरोना काल के चलते बीते वर्ष से अभिभावकों की स्थिति अभी पटरी पर नहीं आ सकती। इस परिस्थिति के चलते अभिभावक छह माह की फीस चुकाने के लिए असमर्थ हैं। ऐसे मामलों के विद्यार्थियों से केवल एक या दो माह की हॉस्टल और मेस फीस ही वसूली जाए।
जिला किन्नौर के एनएच- 5 पर पागल नाला के समीप कल रात पुलिस थाना टापरी के अंतर्गत एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में सवार एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, व अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आल्टो कार एचपी 81 2394 राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 से 200 मीटर सतलुज नदी के किनारे जा गिरी थी। यह हादसा तब हुआ जब दोनों महिलाएं भावानगर से टापरी की तरफ आ रही थी। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान उच्च मार्ग-5 में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता दिव्या मेहता पुत्री पदम सिंह रामनी के रूप में हुई है, तो वही घायल महिला की पहचान मीना कुमारी पत्नी धर्मेंद्र चगांव निवासी के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा घायल महिला को पीएचसी टापरी में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ लाया गया है। एएसआई रमेश शर्मा थाना टापरी ने बताया की धर्मेंदर घायल मीना कुमारी के पति ने कल रात 9:00 बजे के करीब बताया कि उसकी पत्नी सुबह 11 बजे से फोन नहीं उठा रही है। उसके उपरांत एसएचओ टापरी किरण कुमारी द्वारा उक्त महिला मीना कुमारी के नंबर पर लोकेशन ट्रेस किया तो रात साढ़े 9 बजे के करीब टापरी से 5 किलोमीटर दूर पागल नाले के समीप वाहन सतलुज नदी के समीप दुर्घटनाग्रस्त पाया गया है। एएसआई ने बताया कि यह दुर्घटना कल सोमवार 6 सितंबर की सुबह 11 बजे के करीब हुई है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
दाड़लाघाट के अंतर्गत गांव बरायली में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश के शत प्रतिशत वैक्सीनेट होने पर कोरोना वारियर्स, हिमाचल की जनता और लाभार्थियों के साथ वर्चुअल वैक्सीन संवाद का कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम बरायली पंचायत के उपप्रधान कृष्ण चंद भट्टी के सभागार में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हिमको फेडरेशन के चेयरमैन रतन सिंह पाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कोरोना वायरस का उत्कृष्ट कार्य करने के लिए धन्यवाद किया। हिमाचल प्रदेश के आवाम, कोरोना वॉरियर्स तथा लाभार्थियों के साथ प्रधानमंत्री के सीधे संवाद को सुनने के लिए सभागार खचाखच भरा था, जिसमें कोरोना पीड़ितों की सहायता करने वाले कोरोना वारियर्स, विभिन्न ग्रामीण सहायता समूह, विभिन्न पंचायतों के महिला मंडल, आशा वर्कर्स, पंचायत प्रतिनिधि, किसान प्रतिनिधि, बागवान, मजदूर समूह तथा अन्य पुरुष, महिलाएं शामिल रहे। समस्त उपस्थित समूह ने प्रधानमंत्री के कोरोना वारियर्स के साथ हुए वर्चुअल संवाद को ध्यान से सुना। इस कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य हीरा कौशल, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य ओपी गांधी, जोगिन्द्रा को ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष योगेश भरतीया, भाजपा जिला सचिव राकेश गौतम, किसान मोर्चा अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला, प्रेम शर्मा, बालक राम शर्मा, एसएसओ जीत सिंह, कला ठाकुर, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट इंद्र कुमार, उनके रीडर राजेंद्र ठाकुर, पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया, बरायली की प्रधान रीता शर्मा, उपप्रधान हेमराज, पूर्व सैनिक लीग के प्रधान हीरालाल तथा कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महिला एवं बाल विकास सोलन द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे पोषण माह के अन्तर्गत सोलन जिला में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार को नालागढ़ उपमण्डल के आंगनबाड़ी वृत्त मानपुरा में स्वास्थ्य जांच के साथ गर्भवती महिलाओं तथा व धात्री माताओं खान-पान का विशेष ध्यान रखने के बारे में जागरूक किया गया। महिलाओं को पौष्टिक आहार के साथ-साथ तनाव मुक्त वातावरण में रहने की सलाह दी गयी। इस अवसर पर जागरूकता रैली तथा नारा लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से सही पोषण के प्रति जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने लोगों को कोविड-19 टीकाकरण के बारे में भी जागरूक किया। अभियान के अन्तर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों में पौष्टिक आहार प्रदर्शनी आयोजित कर विभिन्न फलों एवं सब्जियों के लाभ के बारे में लोगों को अवगत करवाया। लोगों को किचन गार्डन एवं स्थानीय फलों तथा सब्जियों के बारे में भी अवगत करवाया गया। इस अवसर पर विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों की कार्यकर्ताएं एवं सहायिकाएं उपस्थित थीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कोविड-19 से बचाव के लिए हिमाचल प्रदेश में सभी पात्र लोगों को टीकाकरण की पहली डोज़ लगाने के लिए बधाई और लाभार्थियों तथा स्वास्थ्य कर्मियों के साथ संवाद स्थापित करने का सीधा प्रसारण सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों और सभी ग्राम पंचायतों में किया गया। प्रधानमंत्री के संदेश को इस अवसर पर लोगों ने आत्मसात किया। सोलन जिला में प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम के लाईव प्रसारण के लिए 11 स्थानों पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा एलईडी स्क्रीन स्थापित की गईं। जिला के सोलन विधानसभा क्षेत्र में राधा स्वामी सत्संग रबौण तथा नगर पंचायत हाॅल कण्डाघाट, कसौली विधानसभा क्षेत्र में खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय धर्मपुर, नगर परिषद हाॅल परवाणू तथा तहसील कार्यालय कसौली, अर्की विधानसभा क्षेत्र में अर्की स्थित सामुदायिक हाॅल, दाड़लाघाट स्थित झरना होटल, नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ट्रक यूनियन नालागढ़ के हाॅल, रामशहर स्थित पंचायत हाॅल, दून विधानसभा क्षेत्र में बद्दी में सन सिटी के समीप स्थित निमन्त्रण हाॅल तथा ग्राम पंचायत चण्डी स्थित बीएड महाविद्यालय हाॅल में लोगों ने संवाद कार्यक्रम का लाईव प्रसारण देखा। जिला की सभी 240 ग्राम पंचायतों में भी इस कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से प्रसारण किया गया। बद्दी में उपस्थित दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश कोविड-19 टीकाकरण की प्रथम डोज प्रदान करने में देशभर में अव्वल रहा है। चण्डी में उपस्थित जिला परिषद के अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने प्रदेशवासियों के मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। सोलन में उपस्थित राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा पूर्व सांसद प्रो. वीरेन्द्र कश्यप ने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण में हिमाचल प्रदेश की यह उपलब्धि असाधारण है और प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश से सभी का मनोबल बढ़ा है। परवाणू में उपस्थित राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर ने कहा कि केन्द्र तथा प्रदेश सरकार के उचित निर्देशन में सभी स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथ आशा कार्यकर्ताओं ने बेहतरीन कार्य किया है। कण्डाघाट में उपस्थित राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री का इस अवसर पर संदेश जहां सभी प्रदेशवासियों को पूर्ण मनोयोग के साथ कार्य करने के लिए पे्ररित करेगा वहीं इससे स्वास्थ्य कर्मियों एवं फ्रन्ट लाईन वर्करों को उचित मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ है। सोलन में उपस्थित प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने से जन-जन में स्फूर्ति का संचार हुआ है। दाड़लाघाट में उपस्थित हिमाचल प्रदेश स्टेट कोआपरेटिव डेवलपमेंट फेडरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रतन सिंह पाल ने कहा कि हम सभी को टीकाकरण के साथ-साथ नियम पालन के प्रधानमंत्री के संदेश को स्मरण रखना है। जिला के विभिन्न लाईव प्रसारण स्थलों पर इस अवसर पर अर्की के पूर्व विधायक गोविन्द राम शर्मा, नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जिला परिषद सदस्य, बीडीसी सदस्य, नगर निगम, नगर परिषदों तथा नगर पंचायतों के पदाधिकारी, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथ बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
डॉ. केके शर्मा, कीटनाशक अवशेषों पर अखिल भारतीय नेटवर्क परियोजना के नेटवर्क समन्वयक और राष्ट्रीय स्तर पर कीटनाशक अवशेषों की निगरानी के सदस्य सचिव (एमपीआरएनएल) ने डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी की कीटनाशक अवशेष प्रयोगशाला का हाल ही में दौरा किया और परियोजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। एसडब्ल्यूओ और प्रधान अन्वेषक डॉ. जेके दुबे और कीट विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राज कुमार ठाकुर ने विभाग में अवशेष विश्लेषण संसाधनों के विस्तार के लिए भविष्य के दायरे पर डॉ शर्मा से चर्चा की। उनके साथ डॉ. सपना कटना और डॉ. अजय शर्मा भी इस बैठक में शामिल हुए। वैज्ञानिकों ने डॉ शर्मा को लैब में किए जा रहे कार्यों के बारे में अवगत करवाया। विश्वविद्यालय की कीटनाशक अवशेष प्रयोगशाला, कीट विज्ञान विभाग में एक अत्याधुनिक प्रयोगशाला है और विभिन्न खाद्य उत्पादों में कीटनाशक अवशेषों का पता लगाने पर कार्य कर रही है। यह प्रयोगशाला कीटनाशक अवशेषों के विश्लेषण के लिए आवश्यक सभी परिष्कृत और तकनीकी रूप से उन्नत उपकरणों से सुसज्जित है। राष्ट्रीय स्तर की दो परियोजनाएं- आईसीएआर और कृषि और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित एक एक परियोजना पर वर्तमान में कार्य किया जा रहा है। डॉ. केके शर्मा ने प्रयोगशाला प्रबंधन प्रणाली का निरीक्षण किया और प्रयोगशाला द्वारा की गई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड की परीक्षण और अंशांकन प्रयोगशालाओं (एनएबीएल) आईएसओ: 17025-2017 मान्यता प्राप्त करने के लिए प्रयोगशाला कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने डॉ. जेके दुबे, जो इस परियोजना के गुणवत्ता प्रबंधक हैं, सहित सभी वैज्ञानिकों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की और प्रयोगशाला द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के विस्तार के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
दिल के दौरे के दौरान अगर तत्काल इलाज नहीं किया जाता है तो यह घातक हो सकता है। समय पर उपचार दिल के दौरे के घातक परिणामों को रोक सकता है। हार्ट अटैक तब होता है जब हृदय में रक्त का प्रवाह अवरुद्ध हो जाता है। रुकावट सबसे अधिक बार खराब कोलेस्ट्रॉल और अन्य पदार्थों के जमा होने के कारण होती है जो हृदय वाहिकाओं (कोरोनरी धमनी) में एक पट्टिका बनाते हैं। जब हृदय में रक्त का प्रवाह रुक जाता है तो वह क्षतिग्रस्त हो जाता है। समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेकर हृदय की क्षति को कम किया जा सकता है। इस विषय पर फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा के ह्रदय रोग विशेषज्ञ डाॅ सय्यद ने कहा कि ह्दयाघात के संकेतों को जल्दी पकड़ें, कुछ दिल के दौरे अचानक और तीव्र होते हैं, लेकिन ज्यादातर हल्के दर्द या बेचैनी के साथ धीरे-धीरे शुरू होते हैं। अपने शरीर पर ध्यान दें और तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए कॉल करें। आपकी छाती या बांह में दबाव, जकड़न, दर्द या निचोड़ या दर्द की अनुभूति जो आपकी गर्दन, जबड़े या पीठ या कंधे के ब्लेड के बीच फैल सकती है। जी मिचलाना, अपच, पेट के ऊपरी हिस्से में बेचैनी या नाभि के ऊपर पेट दर्द आदि ह्दयाघात के लक्षणों में आते हैं। भारत में ज्यादातर लोग इसे गैस्ट्रिक या गैस समझते हैं, लेकिन वास्तव में यह दिल का दौरा है। तो कृपया किसी भी गैस्ट्रिक या गैस जैसी स्थिति के लिए अपने चिकित्सक से परामर्श लें और ईसीजी करवाएं। इसके अलावा सांस की कोई तकलीफ। यह आपका एकमात्र लक्षण हो सकता है या यह सीने में दर्द से पहले या साथ में हो सकता है। ठंडा पसीना, थकान, हल्का सिर दर्द या अचानक चक्कर आना। कुछ लोगों में हल्के लक्षण होते हैं, अन्य में अधिक गंभीर लक्षण होते हैं। कुछ दिल के दौरे अचानक आते हैं, लेकिन कई लोगों के पास चेतावनी के संकेत और लक्षण घंटे, दिन या सप्ताह पहले होते हैं। सबसे प्रारंभिक चेतावनी बार-बार सीने में दर्द या दबाव (एनजाइना) हो सकती है जो किसी भी गतिविधि (ऊपर चढ़ने, भारी काम या भावनात्मक तनाव और आराम या सबलिंगुअल नाइट्रोग्लिसरीन, सॉर्बिट्रेट से राहत) से उत्पन्न होती है। डाॅ सय्यद ने कहा कि दिल के दौरे के अन्य कारण कोरोनरी धमनी की ऐंठन हैं। कोरोनरी धमनी ऐंठन उन लोगों में बहुत आम है जो धूम्रपान करते हैं या कोकीन जैसी अवैध दवाओं का उपयोग करते हैं।कोविड-19 सहित कुछ संक्रमण आपके दिल को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं जिसके परिणामस्वरूप दिल का दौरा पड़ता है। दिल की स्थिति को जानने के लिए इलेक्ट्रोकार्डियोग्राफी (ईसीजी) हृदय की विद्युत गतिविधि का पता लगाती है। यह इस्केमिक हृदय रोग के कारण हृदय रोग के लक्षण दिखा सकता है। इकोकार्डियोग्राफी (ईको) दिल के दौरे के कारण दिल के दौरे का पता लगाने और दिल की मांसपेशियों की क्षति की डिग्री का आकलन करने के लिए बहुत उपयोगी है। कोरोनरी एंजियोग्राफी यह एक परीक्षण है जो आपके दिल की धमनियों के अंदर दिखाने के लिए डाई और विशेष एक्स-रे का उपयोग करता है। यह परीक्षण कोरोनरी धमनियों में रुकावट के स्तर और गंभीरता का पता लगाने में मदद करता है। दिल के दौरे के दौरान उपयुक्त समय की प्रतीक्षा न करें। जितनी जल्दी हो सके अस्पताल जाएं। अगर आपको रात में दिल का दौरा पड़ने के लक्षण हैं तो सुबह का इंतजार न करें। यदि आप प्रतीक्षा करते हैं तो उपयुक्त समय नहीं आ सकता है। गैर-पेशेवर लोगों के सुझावों के बहकावे में न आएं। हर मिनट मायने रखता है, चिकित्सकीय ध्यान देने में कभी देरी न करें। एम्बुलेंस के लिए कॉल करें और यह अस्पताल पहुंचने का सबसे अच्छा और सुरक्षित तरीका है।
प्रदेश सरकार द्वारा राशन कार्ड डाटाबेस में राज्य के दिव्यांग जन की जानकारी की प्रविष्टि करने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियन्त्रक नरेन्द्र कुमार धीमान ने सोमवार को दी। उन्होंने कहा कि इसके लिए दिव्यांग लाभार्थियों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र अपनी उचित मूल्य की दुकान में जमा करवाना होगा। नरेन्द्र कुमार धीमान ने कहा कि लाभार्थी को अपने दिव्यांगता प्रमाण पत्र की पिछली तरफ अपना राशन कार्ड नम्बर, आधार नम्बर व मोबाईल नम्बर अंकित करना अनिवार्य है। उन्होंने सोलन जिला के दिव्यांग राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वह अपने दिव्यांगता प्रमाण पत्र में उपरोक्त जानकारी अंकित कर इसे सम्बन्धित उचित मूल्य की दुकान या खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सम्बन्धित निरीक्षक के कार्यालय में शीघ्र जमा करवाएं ताकि राशन कार्ड डाटाबेस में इस जानकारी को दर्ज कर अद्यतन किया जा सके। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियन्त्रक ने कहा कि इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी सम्बन्धित खाद्य, नागरिक आपूर्ति निरीक्षक के कार्यालय या विभागीय टोल फ्री नम्बर-1967 अथवा जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियन्त्रक सोलन के कार्यालय से दूरभाष नम्बर 01792-224114 पर भी प्राप्त की जा सकती है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा पुलिस विभाग की 24 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित 10 परियोजनाओं के लोकार्पण तथा 55 करोड़ रूपये की लागत से 16 नई परियोजनाओं के शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने 226.14 लाख रूपये की लागत से निर्मित आई.जी. उत्तरी क्षेत्र के भवन, जिला बिलासपुर में 88.50 लाख रूपये की लागत से पुलिस थाना सदर के चार आवासीय भवन, जिला हमीरपुर में 105.63 लाख रूपये की लागत से पुलिस थाना नादौन में चार आवासीय भवन, जिला हमीरपुर में 84.95 लाख रूपये की लागत से पुलिस थाना सुजानपुर में एक आवासीय भवन, सिरमौर के धौलाकुंआ में छठी भारतीय आरक्षित पुलिस वाहिनी की 714 लाख रूपये की लागत से निर्मित एक बैरक ब्लाॅक और 380 लाख रूपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक शस्त्रागार भवन, जिला मण्डी की पुलिस चैकी रिवालसर में 149.16 लाख रूपये की लागत से निर्मित 6 आवासीय भवन, बद्दी के अन्तर्गत पुलिस लाइन किशनपुरा में 331.89 लाख रूपये की लागत से निर्मित 12 आवास और 238.30 लाख रूपये की लागत से निर्मित 8 आवासीय भवनों तथा नालागढ़ के अन्तर्गत पुलिस थाना मानपुरा का लोकार्पण किया। जयराम ठाकुर ने 614.93 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले महिला पुलिस थाना नाहन, 250.16 लाख रूपये की लागत से पुलिस अधीक्षक सोलन के आवास, 637.39 लाख रूपये की लागत से पहली भारतीय आरक्षित वाहिनी वनगढ़ के मोटर ट्रांसपोर्ट सैक्शन, 199.12 लाख रूपये की लागत से सीआईडी शिमला के तहत स्वान एवं संचालक के 6 आवासीय भवन, पुलिस मुख्यालय में 198.52 लाख रूपये की लागत से बनने वाले 6 आवासीय भवनों तथा 224.73 लाख रूपये की लागत से बनने वाले अन्य 6 आवासीय भवनों, 133.10 लाख रूपये की लागत से कांगड़ा स्थित सीआईडी के तहत स्वान एवं संचालक के दो आवासीय भवनों, जिला चम्बा के संघाणी में 217.98 लाख रूपये की लागत से पुलिस चैकी भवन, पीटीसी डरोह में 502.22 लाख रूपये की लागत से 12 आवास, 187.22 लाख रूपये की लागत से पुलिस लाइन हमीरपुर में सीआईडी के लिए दो आवासीय भवनों, 485 लाख रूपये की लागत से चतुर्थ भारतीय आरक्षित वाहिनी जंगलबैरी के बहुद्देशीय हाल, पीटीसी में 181.67 लाख रूपये की लागत से स्वीमिंग पूल, चम्बा जिला के किलाड़ में 180.95 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पुलिस थाना के चार आवासीय भवनों, जिला सोलन के कुनिहार में 459.41 लाख रूपये की लागत से पुलिस थाना भवन, 489.13 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पुलिस थाना भवन दाड़लाघाट और जिला बिलासपुर के घुमारवीं में 481.76 लाख रूपये की लागत से पुलिस थाना भवन के शिलान्यास किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को बधाई देते हुए सभी परियोजनाओं का निर्माण समय पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग के सभी भवनों का डिजाइन विश्वस्तरीय मानकों के आधार पर तैयार किया गया है तथा सिरमौर जिला के धौलाकूंआ स्थित छठी आईआरबी वाहिनी परिसर में निर्मित शस्त्रागार भवन अत्याधुनिक तकनीक से बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पीटीसी में बनाए जाने वाले स्वीमिंल पुल का उपयोग जल आपदा प्रबन्धन केन्द्र के रूप में किया जाएगा और यहां जवानों को तैरने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के कर्मचारियों को कार्यस्थल में काम करने की सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध उपलब्ध करवाई जा रही हैं। वर्तमान में पुलिस विभाग की जवाबदेही और भी बढ़ी है क्योंकि आधुनिकता के साथ नए दायित्व भी बढ़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग के कर्मचारियों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में अनेक सकारात्मक पग उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पात्र व्यस्क लोगों को वैक्सीनेशन की पहली डोज देने का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने में पुलिस के जवानों का भी बहुत अहम योगदान रहा है। उन्होंने इसके लिए पुलिस विभाग को बधाई दी। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि पुलिस के जवानों ने कोरोना संकट काल में बहुत ही सराहनीय भूमिका निभाई है। जवान विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने कर्तव्य का निर्वहन सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिमला सदर थाना को स्मार्ट सिटी मिशन के तहत लाकर इसका आधुनिकीकरण करने के प्रयास किए जाएंगेे। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस विभाग में विभिन्न गतिविधियों और विकासात्मक कार्यों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित भवनों में पार्किंग व अन्य सुविधाएं सृजित करने के प्रयास किए गए हैं। विभाग का आधुनिकीकरण करने के लिए सशक्त प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजिन्द्र गर्ग, सांसद किशन कपूर, छठे वित्तायोग के अध्यक्ष सत्तपाल सिंह सत्ती, विधायक डा.राजीव बिन्दल, इन्द्र सिंह गांधी, विशाल नैहरिया, परमजीत सिंह पम्मी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और अपने विचार व्यक्त किए। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, उपाध्यक्ष डा. हंस राज, सांसद एवं राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए । अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वेणूगोपाल और पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
खुंडिया प्राथमिक शिक्षा खण्ड कार्यालय में स्टाफ न होने को लेकर अध्यापक संघ जिला कांगड़ा के महासचिव राजिंदर कुमार तथा देहरा खण्ड के उपाध्यक्ष भीम सिंह की अध्यक्षता में आपात बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें प्रा. खण्ड शिक्षा कार्यालय खुडियाँ में खाली पड़े पदों को दो सप्ताह के अंदर शीघ्रातिशीघ्र न भरा गया तो अध्यापक संघ उपनिदेशक कार्यालय में धरना प्रदर्शन करने पर बाध्य हो जाएगा। सरकार द्वारा अधीक्षक ग्रेड 2 के आदेश 25/08/2021 को खुडियाँ कार्यालय के लिए हुए हैं उन्होंने अभी तक खुंडिया कार्यालय में हाजिरी नहीं दी है । अगर वो खुंडिया में अपनी जॉइनिंग नहीं देना चाहते हैं तो उनकी जगह किसी दूसरे अधिकारी को जॉइनिंग ऑर्डर दिए जाएं। अध्यापक संघ देहरा खण्ड के उपाध्यक्ष भीम सिंह राणा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो सप्ताह के भीतर खुंडिया शिक्षा खण्ड कार्यालय में पूरा स्टाफ नियुक्त नहीं किया गया तो जिला कांगड़ा अध्यापक संघ उपनिदेशक कार्यालय धर्मशाला में धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएगा। इस अवसर पर गुरबख्श सिंह , दविंदर सिंह, संजय राणा, होशियार सिंह, पूर्ण चन्द, पंकज कुमार, सुरेश कुमार, विपन कुमार, मनोहर लाल आदि पदाधिकारी उपस्थित थे ।
टोक्यो पैरालिंपिक में सिल्वर मैडल विजेता ऊना जिला के एथलीट निषाद कुमार ने सोमवार को अपने परिजनों तथा अपने कोच नसीम अहमद के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निषाद कुमार को हिमाचल का नाम रौशन करने के लिए बधाई दी व उन्हें सम्मानित किया तथा आगामी चैम्पियनशिप के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उन्हें हर सम्भव सहायता और सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में खेलों के विकास को बढ़ावा देने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। निषाद कुमार ने मुख्यमंत्री को पैरालिंपिक और खेल से सम्बन्धित विभिन्न तैयारियों के बारे अवगत करवाया। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, खेल एवं युवा सेवाएं सचिव एस.एस.गुलेरिया तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सोमवार को राजभवन में टोकियो पैरालोपिक में भारत को ऊंची कूद में रजत पदक दिलाने वाले ऊना जिले के निशाद कुमार को सम्मानित किया। इस अवसर पर निशाद के माता-पिता, कोच और बहन भी उपस्थित थे। बातचीत के दौरान, राज्यपाल ने कहा कि निशाद ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा को तो सिद्ध किया ही है लेकिन देश के गौरव को भी ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि उनके पदक की चमक विषेशकर हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए आशा की किरण बनी है। उन्होंने सिद्ध किया है कि कड़ी मेहनत, जज़्बा और कुछ करने का इरादा बुलंद हो तो कोई भी बाधा लक्ष्य प्राप्ति से रोक नहीं सकती। उन्होंने कहा कि उनका संघर्षमय जीवन इस बात का साक्षात उद्हारण है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी वह नित नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे और जीत की यह भावना अन्यों के लिए प्रेरणा बनेगी।राज्यपाल ने कहा कि आज का युवा बंद कमरे में केवल मोबाईल व इलैक्ट्रानिक गैजेट तक ही सीमित होकर रह गया है। ऐसे में निशाद की उपलब्धि उनमें नई प्रेरणा का संचार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्पोर्टस स्कूल आरम्भ करने की आवश्यकता है क्योंकि यहां की भौगोलिक परिस्थितियां अच्छे खिलाड़ी जिनमें आत्मिक बल है, पैदा करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि खेल का वातावरण होने से खेल भावना स्वतः जागृत हो जाती है इसलिए हमें मिलकर सकारात्मक माहौल बनाना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि निशाद अगले वर्ष होने वाले एशियाई खेलों में भी भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर आएंगे। निशाद ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने उन्हें जो सम्मान दिया है और देशवासियो ने प्यार प्रकट किया है वह उनके लिए नई ऊर्जा है। निशाद के कोच नसाीम अहमद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और हमें जरूरत केवल प्रतिभाओं की खोज करनी है। निशाद के पिता रशपाल सिंह और माता पुष्पा देवी ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताई। बहन कुमारी रमा देवी और भाई पंकज कौंडल ने कहा कि उनका भाई हमेशा से काफी मेहनती रहा है और उन्हें पूरा भरोसा था कि वे पदक जीतकर आएगा। इस अवसर पर, नेहरू युवा केंद्र के राज्य निदेशक सैमसन मसीह भी उपस्थित थे। बाद में, निशाद ने राजभवन के धरोहर भवन का अवलोकन किया।
अध्यापक संघ देहरा ने 2021 को राज्य स्तर पर राज्यपाल द्वारा सम्मानित किए गये टिहरी के अध्यापक राजिंदर कुमार का अपने गृह क्षेत्र टिहरी में पँहुचने पर अध्यापक संघ द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उनके गृह क्षेत्र टीहरी में खण्ड खुडियाँ खण्ड रक्कड़ के शिक्षकों द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि टिहरी के अध्यापक राजिंदर कुमार को स्कूल में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शिक्षक दिवस पर हिमाचल के राज्यपाल महामहिम राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेरकर ने सम्मानित किया था। अध्यापक राजिंदर कुमार ने बताया कि उनके लिए यह क्षण बहुत ही सौभाग्य शाली है। वे छात्रों को मेहनत के साथ हर क्षेत्र में शिक्षा, खेल तथा सांस्कृतिक तथा सामाजिक आदि गतिविधियों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए हमेशा प्रोत्साहित करते रहते हैं। वे अपने जीवन में सेवानिवृत्त होने के बाद भी पढ़ने वाले बच्चों को निःशुल्क, निस्वार्थ भाव से दिशा निर्देश देते रहेंगे।
कोविड टीकाकरण की पहली खुराक में शतप्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के कोरोना वारियर्स और लाभार्थियों के साथ वैक्सीन संवाद स्थापित किया। इस कार्यक्रम में देहरा, ज्वालामुखी और जसवां परागपुर विधान सभा क्षेत्रों के 07 स्थानों पर लोगों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का संवाद सुना। देहरा विधानसभा के अंतर्गत लघु सचिवालय देहरा में लगभग 70 लोग, बीडीओ देहरा सभागार में लगभग 100 एवं ग्राम पंचायत बीण में लगभग 100 लोग उपस्थित रहे। ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय में लगभग 50 लोग एवं ज्वालाजी नयी पार्किंग में लगभग 150 लोग उपस्थित रहे। वहीं जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बीडीओ कार्यालय परागपुर में लगभग 60 लोग और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडासीबा में लगभग 50 लोग उपस्थित रहे। ज्वालामुखी में विधायक एवं उपाध्यक्ष राज्य योजना बोर्ड रमेश चंद ध्वाला एवं देहरा में पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि उपस्थित रहे। सभी कार्यक्रमों में अधिकारी, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और पंचायतीराज से जुड़े लोग और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
12 सितम्बर, 2021 को विकास खण्ड निचार के तहत ग्राम पंचायत निचार के निगानी खेल मैदान में होने वाले जनमंच आयोजन स्थल में कुछ प्रशासनिक कारणों से परिवर्तन किया गया है। जिला प्रशासन के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि 12 सितम्बर को होने वाले जनमंच का आयोजन अब निगानी खेल मैदान निचार के स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निचार के खेल मैदान में किया जाएगा।
कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने सुजानपुर की ग्राम पंचायत धमडि़याणा के गांव में मैहलडू में आयोजित महिला सम्मान समारोह के दौरान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की तरफ से आंकड़ा आया है कि हाल ही में 15 लाख लोग और बेरोजगार हो गए हैं। हालांकि यह आंकड़ा बीजेपी सरकार की तरफ से आया है तो झूठा तो होगा ही। क्योंकि बीजेपी ने अपनी राजनीति का आधार ही झूठ को बना लिया है। राणा ने कहा कि बीजेपी ने न केवल अपनी स्वार्थ की राजनीति से देश को गर्दिश में डाला है बल्कि पूरे देश में तनाव और अभाव का माहौल बनाकर रख दिया है। भ्रष्टाचार के बोलबाले में महंगाई रोज आम आदमी के जीवन को दुश्वार कर रही है। सरकार आम आदमी के मुद्दों को हल करने पर पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। लेकिन फिर भी सरकार द्वारा आम आदमी को कुचलने की जिद्द कम नहीं हो रही है। आम आदमी का सरकार और सिस्टम से भरोसा उठ चुका है। आलम यह है कि अब सरकार के हर सरकारी सिस्टम से आम आदमी डरने लगा है। बीजेपी सरकार के राज में फैली अफरा -तफरी व अराजकता के कारण लोकतंत्र के तबाह होने का खतरा बढ़ा है। जिसको लेकर बीजेपी के सिवाय देश का हर नागरिक चिंतित हो रहा है। इस अवसर पर सुजानपुर की ग्राम पंचायत धमडि़याणा के मैहलडू गांव में आयोजित महिला मंडल सम्मान समारोह में स्थानीय महिला मंडल को 12 हजार व टेंट देकर सुजानपुर के विधायक एवं राज्य कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने सम्मानित किया है। कार्यक्रम के बाद जनसमस्याओं को सुनते हुए विधायक राणा ने मैहलडू से लोहार बल्ली तक की सड़क को विधायक प्राथमिकता में डालने की घोषणा भी की। इसके अतिरिक्त विधायक राजेंद्र राणा ने बमसन के कई गांवों का दौरा करके जन समस्याओं को सुना। जिनमें से कई जन समस्याओं का मौके पर निपटारा किया गया और बाकियों को जल्द निपटाने का वायदा दिया व इसी बीच चरियाँ दी धार में सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की। इस अवसर पर सर कल्याणकारी संस्था के जिला अध्यक्ष लेखराज ठाकुर, कैप्टन प्रभात सिंह प्यार चंद, पूर्व उपप्रधान कश्मीर सिंह, सूबेदार सुरजीत कुमार, महिला मंडल प्रधान विद्या देवी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जसवां:परागपुर में इन दिनों अपनी समाजसेवा से लोगो को लाभान्वित कर रहे केप्टन संजय पराशर की समाजसेवा समस्त क्षेत्र में एक उदाहरण पेश कर रही है। यह बात ब्लॉक परागपुर के पूर्व चेयरमैन गुरचरण सिंह टोहरा ने कही। टोहरा ने कहा कि संजय पराशर की समाजसेवा ने समस्त जसवां:परागपुर में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में अपना नाम चमका रही है। गुरचरण सिंह टोहरा ने कहा संजय पराशर के सौजन्य से परागपुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में लाखों रुपये की लागत से विज्ञान लेब निर्माण किया जा रहा है जिससे छात्रों को काफी मदद मिलेगी। यही नहीं संजय पराशर ने समस्त जसवां:परागपुर विधानसभा को मोतिया मुक्त करने का बीड़ा जो उठाया है वह बहुत ही सराहनीय पहल है। गुरचरण सिंह टोहरा ने कहा कि केप्टन संजय पराशर द्वारा समस्त क्षेत्र में जगह-जगह मेडिकल केम्प की सुविधा दी जा रही है जिसमें हजारों लोगों का इलाज बिल्कुल मुफ्त किया जा रहा है। शिक्षक दिवस पर लगभग 372 अध्यापकों को सम्मानित किया जाना अपने आप में ही एक बहुत गौरवपूर्ण बात है। टोहरा ने कहा कि वीआर मेरीटाइम के प्रबन्ध निदेशक केप्टन संजय पराशर ने स्थानीय युवकों को रोजगार का भी अवसर दिया है। टोहरा ने कहा की देश की आन-बान शान हमारे रिटायर फौजी भाइयों को 26 जुलाई कारगिल दिवस पर जसवां:परागपुर के तहत पड़ते परागपुर, डाडा सीबा, शान्तला, रक्कड़, बणी में सम्मानित किया गया। एक ऐसा व्यक्ति जो हर वर्ग की इज्जत, मान सम्मान करता हो वह किसी वरदान से कम नहीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के कोरोना योद्धाओं और लाभार्थियों के साथ संवाद किया। यह संवाद हिमाचल प्रदेश द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में कोरोना वैक्सीन की शत-प्रतिशत प्रथम डोज पूर्ण करने के उपलक्ष्य पर आयोजित किया गया। प्रदेश से चुने गए लाभार्थियों में लाहौल स्थित शाशुर गोम्पा के लामा नवांग उपासक के साथ भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बात की और उससे पूछा कि उन्होंने लोगों को वैक्सीन लेने के प्रति जागरूक करने में क्या पहल की। प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने बेहतरीन और कारगर प्रबंधन के चलते कोरोना वैक्सीन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि इसी कार्य कुशलता और प्रबंधन को अपनाते हुए हिमाचल प्रदेश वैक्सीन की दूसरी डोज को भी शत प्रतिशत पूरा करने में सफल रहेगा। भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद हिमाचल प्रदेश ने इस अभियान को बखूबी अंजाम दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे स्वयं हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से परिचित रहे हैं। अटल टनल रोहतांग के बन जाने के बाद लाहौल में हुए बदलाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूछे गए सवाल पर नवांग उपासक ने कहा कि अटल टनल रोहतांग के खुल जाने के बाद लाहौल घाटी में जहां पर्यटन के नए आयाम जुड़ रहे हैं, वहीं इस टनल ने लोगों के लिए आवागमन की एक ऐसी सुविधा दी है जिसके चलते अब कम समय में घाटी के आर- पार जाया जा सकता है। घाटी के किसानों के लिए भी यह टनल बहुत उपयोगी साबित हो रही है। नवांग उपासक ने कोरोना वायरस वैक्सीनेशन को लेकर अपने अनुभव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ साझा करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के आह्वान के बाद घाटी में स्थित गोम्पाओं के लामाओं ने परस्पर इसको लेकर चिंतन किया। यह फैसला लिया कि लोगों में जन जागरूकता पैदा की जाए ताकि वैक्सीन के प्रति उनकी शंकाओं को दूर करके उन्हें वैक्सीनेशन के प्रति प्रेरित किया जाए। धर्मगुरु दलाई लामा द्वारा स्वयं वैक्सीन लेने का भी जनमानस में बड़ा सकारात्मक संदेश गया और लोगों ने पूरे उत्साह के साथ वैक्सीनेशन अभियान में हिस्सा लिया और लाहौल- स्पीति पहला जिला बना जहां कोरोना वैक्सीन की पहली डोज सभी पात्र लाभार्थियों तक शत-प्रतिशत पहुंची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस वर्चुअल संवाद कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त लाहौल- स्पीति नीरज कुमार और पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा भी मौजूद रहे।
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि सड़कें पर्वतीय प्रदेशों की भाग्य रेखाएं कहलाती हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक क्षेत्र को सड़क कनेक्टिविटी प्रदान करने का है। वह सोमवार को मनाली विधानसभा के अंतर्गत भाटग्रां मोड़ से खड़ीहार सड़क के भूमि पूजन की रस्म पूरी करने के उपरांत बोल रहे थे। नाबार्ड योजना के तहत निर्मित होने वाली इस सड़क के निर्माण पर 376.39 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। सड़क के निर्माण से दो बड़े गावों की आबादी लाभान्वित होगी। गोविंद ठाकुर ने कहा कि सड़क विकास का आधार है और लोगों की मूलभूत जरूरत बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उस क्षेत्र को सड़क सुविधा प्रदान की जा रही है जहां आवश्यकता है और जमीन का कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पिछले साढ़े तीन सालों के दौरान अनेक सड़कों का निर्माण किया गया है। बहुत सी सड़कों को पक्का किया गया है और अनेक पुलों का निर्माण किया गया है जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में जबरदस्त सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं पर भी लोग सड़क की मांग करते हैं, उसे तुरंत पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं, वशर्तें किसी प्रकार का भूमि विवाद न हो। उन्होंने मनाली विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की उदारता के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बाड़ीशिल के लिए सम्पर्क सड़क का निर्माण 6.50 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। शिरड़ के लिए 11 लाख की लागत से सड़क का निर्माण कार्य जारी है। 12 लाख रुपये की लागत से डोहलूनाला से भाटग्रां सड़क का सीसी कार्य पूरा कर लिया गया है। इसी प्रकार, 312 लाख की लागत से कराल-हिमरी सड़क का चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। रायसन में ब्यास नदी पर डव्बल लेन 80 मीटर स्पैन पुल का निर्माण कार्य 18 करोड़ की लागत से इसी महीने आरंभ किया जा रहा है। इसके लिए सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली गई हैं। 89 लाख की लागत से उच्च पाठशाला भवन शिरड़ का कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में अनेक अन्य सड़कों के चौड़ीकरण अथवा सुधार व निर्माण के कार्य जारी हैं और आने वाले सालों में सभी क्षेत्रों के लोगों को सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित होगा।
लाहौल : 9 व 10 सिंतबर को ग्रांफू-लोसर मार्ग सामान्य वाहनों के लिए सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक रहेगा बंद
ग्रांफू से लोसर के बीच सडक मार्ग सामान्य यातायात के लिए बंद रहेगा। यह मार्ग सुबह 7 से दोहपर बाद 3 बजे तक हिमालयन एक्सट्रिम मोटर स्पोर्टस रैली के कारण 9 और 10 सितंबर को बंद रहेगा। यह जानकारी डीसी लाहौल- स्पीति नीरज कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि हिमालयन एक्सट्रीम मोटर स्पोर्टस की तरफ से दो पहिया और चौपहिया वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। अतः उपरोक्त अवधि के लिए सडक मार्ग दो दिन सामान्य यातायात के लिए बंद रहेगा। हालांकि एम्बुलैंस व आपातकालीन वाहनों के लिए आवाजाही बंद नहीं होगी। यह रैली कुल्लू के ढालपुर स्थित दशहरा मैदान शुरू होगी, जिसमें देश भर के 80 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। रैली मनाली- ग्राम्फू, कुजंम और टकचा तक जाएगी।
घरद्वार पर ही आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ किए गए जनमंच कार्यक्रम की 23वीं कड़ी में 12 सितंबर को नादौन विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगू में जनमंच का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, कृषि और पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर की अध्यक्षता में आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मालग, सनाही, बढेड़ा, बटराण, मंझेली, नौहंगी, बूणी और पनसाई की जनसमस्याओं का समाधान किया जाएगा। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि जनमंच से पहले ही इन पंचायतों के बाशिंदों से पंचायत कार्यालय में शिकायतें प्राप्त की जाएंगी। पंचायत कार्यालयों में प्राप्त जनशिकायतों को ई-समाधान पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा तथा त्वरित निपटारे के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाएगा। जनमंच के दिन संबंधित विभागों के अधिकारी इन जनशिकायतों के निपटारे का ब्यौरा प्रस्तुत करेंगे। उपायुक्त ने बताया कि जनमंच में जनसमस्याओं के निपटारे के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र, जमीन के इंतकाल, लाइसेंस, बागवान कार्ड और अन्य दस्तावेज मौके पर ही तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि जनमंच से पहले ही अधिकांश जनशिकायतों के निपटारे के लिए इन पंचायतों में प्री-जनमंच कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्री-जनमंच कार्यक्रमों के दौरान जनशिकायतों के निपटारे के साथ-साथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की मुहिम भी चलाई जा रही है। उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे उक्त 8 ग्राम पंचायतों में आयोजित किए जा रहे प्री-जनमंच कार्यक्रमों में लोगों की समस्याओं का निपटारा करने के साथ-साथ सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करें, ताकि पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने क्षेत्र की 8 पंचायतों के बाशिंदों से जनमंच कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।


















































