प्रदेश कौशल विकास निगम युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के जिला समन्वयक नरेन्द्र त्यागी ने दी। नरेन्द्र त्यागी ने कहा कि एडवान्स कोर्स ऑन साइबर सिक्योरिटी के लिए अनिवार्य पात्रता मानदंड बीई, बीटैक, बीसीए, बीएससी आईटी, एमसीए, एमएससी आईटी निर्धारित किया गया है। एडवान्स कोर्स ऑन डाटा साईसिंज एण्ड एनालिटिक्स के लिए अनिवार्य पात्रता मानदंड बीई, बीटैक, एमएससी, बीएससी, बीसीए, एमसीए निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पाठक्रम 3 माह की अवधि के लिए है तथा इनके लिए 30-30 सीटें उपलब्ध हैं। जिला समन्वयक ने कहा कि फ्रूट्स एंड वेजीटेबल प्रोसेसिंग, मिल्क प्रोसेसिंग एंड मिल्क प्रोडक्ट तथा हाई टेक होर्टिकल्चर एंड पोस्ट हारवेस्ट मेनेजमेंट के प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अनिवार्य पात्रता मानदंड आठवीं निर्धारित की गई है। किसी भी ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमा धारक को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एक-एक सप्ताह के होंगे। हाई टेक होर्टिकल्चर एंड पोस्ट हारवेस्ट मेनेजमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम की अवधि 15 दिन है। उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए 20-20 सीटें उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले चरण की आवेदन की तिथि 31 अगस्त तक निर्धारित की गई है। उम्मीदवार पंजीकरण के लिए वैबसाईट www.hpkvn.in आवेदन प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उम्मीदवारों को आवेदन प्रपत्र भरकर ईमेल पते skill.application@hpkvn.org पर प्रेषित करना होगा। नरेन्द्र त्यागी ने कहा कि इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नम्बर 01792-221264, मोबाइल नम्बर 94184-69181, 70189-18595 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
नेस्ले इंडिया लिमिटेड ने कलगीधर सोसायटी बडू साहिब द्वारा संचालित 5 उत्तरी राज्यों में 129 अकाल अकादमियों बडू साहिब में स्थित इटरनल यूनिवर्सिटी के लिए आईटी उपकरण प्रदान किये है। नेस्ले इंडिया लिमिटेड ने उत्तर भारत के ग्रामीण क्षेत्र के लिए कलगीधर सोसाइटी द्वारा किए जा रहे समाजिक कार्य से प्रभावित हो कर आईटी उपकरणों की एक बड़ी खेप प्रदान की है। सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का जवाब देना और समाज को सशक्त बनाना है। सोसाइटी लड़कियों को अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के पश्चात अपने अकाल ग्रामीण महिला सशक्तिकरण संस्थान में मुफ्त प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण प्रदान करके उन्हें अपनी अकादमियों में नौकरी के अवसर प्रदान करके सशक्त बनाती है। यह जानकारी देते हुए डॉ.दविंदर सिंह, सचिव, कलगीधर सोसाइटी ने बताया कि नेस्ले ने सोसाइटी के नैतिक मूल्य-आधारित व आध्यात्मिक शिक्षा कार्यक्रम के माध्यम से साक्षरता में सुधार के लक्ष्यों का समर्थन करने के लिए मॉनिटर, कीबोर्ड, माउस और 34 लैपटॉप के साथ 57 डेस्कटॉप पीसी सोसायटी को प्रदान किये है। उनका कहना था कि आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के हमारे छात्रों की मदद करने के लिए इन उपकरणों का होना बहुत अच्छा रहेगा।
राज्य के बागवानी विकास अधिकारियों के लिए डॉ वाई एस परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के विस्तार शिक्षा निदेशालय द्वारा फलों की उत्पादकता में वृद्धि पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बागवानी विभाग द्वारा प्रायोजित प्रशिक्षण में राज्य के विभिन्न हिस्सों से 24 एचडीओ ने भाग लिया। प्रशिक्षुओं को कैनोपी विकास, बगीचों का प्रबंधन, मिट्टी और पौधों का पोषण, जल संचयन संरचनाओं के साथ-साथ फसलों में रोग और कीट प्रबंधन के बारे में प्रशिक्षित किया गया। उच्च घनत्व वाले सेब के बागानों में उपयोग की जा रही नवीनतम तकनीकों के बारे में जानकारी के लिए प्रशिक्षुओं ने केवीके सोलन का भी दौरा किया। समापन समारोह के दौरान कुलपति डॉ. परविंदर कौशल ने प्रतिभागियों से सक्रिय बनने और सरकारी योजनाओं के साथ-साथ विश्वविद्यालयों में की जा रही नवीन तकनीकों और अनुसंधान का लाभ किसानों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया की। उन्होंने कहा कि लाइन विभाग के कार्यरत युवा द्वारा फील्ड में किए जा रहे कार्यों को देखकर खुशी होती है, लेकिन नई प्रौद्योगिकियों, क़िस्मों का चयन, प्रबंधन तकनीकों को बढ़ावा देने की चुनौतियों से ठीक से निपटने की जरूरत है ताकि किसानों की आय में बढ़ोतरी और समग्र अर्थव्यवस्था में सुधार के दोहरे लक्ष्यों को पूरा किया जा सके।
जिला रोजगार अधिकारी मनोरमा देवी ने जानकारी दी है कि एशिया टिप हॉलिडे प्राईवेट लिमिटिड शास्त्री नगर कुल्लू में महिला उम्मीदवारों के लिए टूर डिजाईनर के 50 पद पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए कैम्पस साक्षात्कार जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू में 3 सितम्बर को प्रातः 10ः30 बजे आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टूर डिजाईनर के पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता किसी भी संकाय में स्नातक निश्चित की गई है। उम्मीदवार की आयु 18 से 28 साल के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के दौरान एक माह तक 3 हजार रुपये तथा प्रशिक्षण के बाद सात से 10 हजार रुपये मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा तथा कार्यस्थल शास्त्रीनगर कुल्लू होगा।
सहायक अधिशासी अभियन्ता विद्युत उपमंडल भुन्तर संतोष कुमार शर्मा ने शुद्धि पत्र के द्वारा सूचित किया है कि 11 केवी फीडर बजौरा जरी रक्षरक्षाव के कारण 31 अगस्त को सुरढ, परगांणू, भैंस नाला, खोखन, शिकारी, धारा बेहड, एयरपोर्ट गेट भुन्तर व आस पास के इलाकों में विद्युत आपूर्ति बारे बंद रहेगी। इसे दिनांक 30 अगस्त के स्थान पर 31 अगस्त को बढ़ाने का आग्रह किया है तथा इस सम्बन्ध में असुविधा के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है।
कुल्लू विशेष अन्वेषण शाखा की एक टीम शनिवार को भुंतर थाना के अंतर्गत पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान एक मुखबिर से गाड़ी मे हेरोइन लेकर आने की सूचना मिली। ऐसे में पुलिस ने सैनिक चौक पर नाका लगाकर उक्त गाड़ी को रोक कर गाड़ी की चेकिंग के दोरान गाड़ी मे छुपाई हेरोइन की एक बडी खेप बरामद की। आरोपीयों ने यह हेरोइन कैसे और किसको बेचने जा रहा थे, इसके बारे में आरोपीयों से पूछताछ चल रही है। आरोपियों की पहचान शंकर पुत्र बिहारी लाल, गाँव- भट्टनगर ,डाकघर रोशन ग्राउंड, जिला होशियारपुर, पंजाब उम्र 38 वर्ष व राजेश कुमार पुत्र सोमनाथ हाउस नम्बर-449, मोहल्ला भट्ट नगर, जिला-होशियारपुर ,पंजाब, उम्र 37वर्ष के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू गुर देव शर्मा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयोग की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है। दोनो ही आरोपी बाहरी राज्य के रहने वाले है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यानि शनिवार कुल्लू जिला के मनाली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ रुपये लागत की 26 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। उन्होंने 40.13 करोड़ रुपये लागत की परियोजनओं के लोकार्पण किए, जिनमें पतलीकुहल स्थित 5.52 करोड़ रुपये लागत से निर्मित आईटीआई भवन मनाली, 3.38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय उच्च विद्यालय हलाण-1 का भवन, सेउबाग में 5.32 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय के छात्रावास, एक करोड़ रुपये की लागत से जलापूर्ति योजना नगर और उपरला मोहल रूमसू के संवर्धन कार्य, ग्राम पंचायत अरछंडी में 2.89 करोड़ रुपये की लागत से जलापूर्ति योजना, शारण कलौंटी, माहली और जाणा के संवर्धन कार्य, 90 लाख रुपये लागत की उठाऊ सिंचाई योजना माहली के सीएडी कार्य, 2.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नगर रूमसू सड़क, 6.40 करोड़ रुपये की लागत से पनगां शेगली कशेरी से गलौंन सड़क, 2.49 करोड़ रुपये की लागत के निर्मित धारा से रूंगा सड़क, 93 लाख रुपये से निर्मित जगतसुख भनारा सड़क, 1.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बूरवा मझैच सड़क, राउगी नाला के ऊपर 1.01 करोड़ रुपये की लागत से डबल लेन पुल, नाबार्ड के अन्तर्गत 2.29 करोड़ रुपये की लागत से कराल हिमरी सड़क के सुधार एवं मैटलिंग कार्य और 3.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बबेली इन्दौर सड़क शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बड़ाग्रां में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश कोविड महामारी के लिए टीकाकरण की पहली खुराक के शत-प्रतिशत कवरेज के लक्ष्य को प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस उपलब्धि के लिए प्रदेश को बधाई दी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सशक्तिकरण का आग्रह किया क्योंकि इससे मजबूत और जीवंत समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी और लाॅकडाउन के दौरान प्रदेश सरकार ने देश के विभिन्न भागों में फंसे सभी हिमाचलियों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की। इस दौरान विशेष बसों और रेल गाडि़यों के माध्यम से लगभग 2.50 हिमाचलियों को सुरक्षित घर लाया गया। विधायक किशोरी लाल सागर व सुरेंद्र शौरी, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, महासचिव अखिलेश कपूर, महिला मोर्चा अध्यक्ष मनीषा सूद, वरिष्ठ भाजपा नेता युवराज बोध, उपायुक्त आशुतोष गर्ग सहित अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन जिला में 1 सितम्बर से 10 सितम्बर तक बूथ स्तर के प्रत्येक अधिकारी द्वारा अपने-अपने मतदान केन्द्र के अन्तर्गत घर-घर जाकर मतदाताओं की जांच व सत्यापन का कार्य किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां इस सम्बन्ध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने दी। कृतिका कुल्हरी ने कहा कि 1 जनवरी 2022 को आधार तिथि मानते हुए फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य 1 सितम्बर से आरम्भ होगा। उन्होंने कहा कि 10 सितम्बर तक कार्यान्वित किए जाने वाले इस अभियान में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूचियों में जोड़ने के सम्बन्ध में दावे एवं आक्षेप प्राप्त किए जाएंगे। कृतिका कुल्हरी ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के कार्य का डिजटीकरण करने के लिए ‘गरूड़ ऐप’ आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के अधिकारी गरूड़ ऐप के माध्यम से प्रारूप-6, 7 तथा 8 भरकर उसका क्षेत्रीय सत्यापन भी कर सकेंगे। बैठक में अवगत करवाया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 27 अगस्त को सोलन जिला के सभी 5 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में प्राप्त आक्षेपों एवं प्रस्तावनाओं का 1 सितम्बर तक निपटारा करने के उपरान्त प्रस्तावनाओं को 15 सितम्बर तक प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में प्रेषित किया जाना है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकान्त शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर, पूनम शर्मा, भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के अनूप पराशर, तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा, नायब तहसीलदार महेन्द्र ठाकुर एवं दीवान चंद ठाकुर उपस्थित थे।
आयुष विभाग द्वारा सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत रौड़ी, टकसाल तथा गढ़खल में 377 व्यक्तियों की जांच की गई। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ.राजेन्द्र शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि इन ग्राम पंचायत रौड़ी में 191, ग्राम पंचायत टकसाल में 66 तथा ग्राम पंचायत गढ़खल में 120 व्यक्तियों की एनीमिया जांच की गई एवं उचित परामर्श प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर बहुत कम पाया गया, उन्हें पूरी जांच के लिए परामर्श दिया गया। डाॅ.राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि इन शिविरों में लोगों को बताया गया कि एनीमिया रोग का पूर्ण निदान सम्भव है तथा उचित पोषाहार के माध्यम से सदैव एनीमिया से बचा जा सकता है। शरीर में रक्त की कमी के कारण एनीमिया होता है। एनीमिया के कारणों में सबसे प्रमुख कारण शरीर में आयरन की कमी है। जब आपके आहार में लौह तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं होता है, तब व्यक्ति एनीमिया पीड़ित हो जाता है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा अगर किसी भी कारण से शरीर में रक्त की कमी हो जाती है तो भी यह समस्या उत्पन्न होती है। चोट लगने पर खून निकलना, माहवारी या प्रसव में अधिक मात्रा में खून का बहना भी एनीमिया का एक कारण है। शिविर में लोगों से आग्रह किया गया कि अपने भोजन में नियमित आधार पर फल एवं सब्जियां लें। इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। आयोजित शिविरों में आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ. मंजेश शर्मा, डाॅ. प्रियंका किमटाटा, डाॅ सोनिया धीमान, आयुष विभाग के कर्मचारी लता वर्मा, शंकर, बबली, पंचायत प्रनिधित एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
पालमपुर: बाल विकास परियोजना भवारना के तहत "बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ" कार्यक्रम की ब्लॉक टास्क फोर्स कमेटी की बैठक एसडीएम पालमपुर डॉ अमित गुलेरिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में वर्ष 2020-21 की कार्रवाई प्रस्तुत की गई। एसडीएम ने बैठक में लिंग अनुपात में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि भवारना विकास खण्ड में लिंग अनुपात 935 प्रति हजार है, जबकि विकास खण्ड भवारना की ग्राम पंचयत देहण, द्रोगणु, कंडी, मलाहु, लमलेहड़, द्रंग, लाहला, चन्दपुर, अरला, जिया, ढराटी, कल्यारकर, बगोड़ा, परोर और फरेड़ में लिंग अनुपात कम होना चिंता का विषय है। उन्होंने पंचयात प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास तथा शिक्षा विभाग के समन्वय से जन जागरण अभियान चलाने का आह्वान किया। गुलेरिया ने बताया कि बेटी है अनमोल योजना में सरकार ने बीपीएल परिवार में जन्मी बेटियों को 12 हजार के स्थान पर 21 हजार रुपये की राशि मुहैया करवाई जायेगी। बीपीएल परिवार की बेटीयों की शादी के लिए शगुन योजना में विकास खण्ड भवारना में 31 बेटियों को 31 हजार प्रति बेटी उपलब्ध करवाने के लिये प्रस्ताव स्वीकृत किये गए हैं। बैठक में ब्लॉक टास्क फोर्स कमेटी के सदस्य बीएमओ गोपालपुर डॉ मीनाक्षी गुप्ता, सीडीपीओ अनिल कौल, बीइइओ पालमपुर सुभाश चंद, बीइइओ भवारना रमेश कुमार उपस्थित रहे।
उर्दू शिक्षण एवं अनुसन्धान केन्द्र सोलन द्वारा उर्दू भाषा में 10 माह के प्रशिक्षण के लिए आवेदन पत्र जमा करने की तिथि 15 सितम्बर 2021 तक बढ़ा दी है। यह जानकारी संस्थान के प्राचार्य प्रभारी तारिक़ ख़ान ने दी। तारिक़ ख़ान ने कहा कि यह प्रशिक्षण भारतीय भाषा संस्थान, मैसूर द्वारा आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि उर्दू प्रशिक्षण के लिए शैक्षणिक योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है। इसके लिए आयु 50 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदक द्वारा संस्थान के किसी भी क्षेत्रीय भाषा केन्द्र से पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त नहीं किया होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आवेदक उस भाषा के लिए आवेदन न करें जिसे वो पहले से ही जानता हो। उन्होंने कहा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकांश सीटें ऐसे अध्यापकों के लिए आरक्षित की गई हैं जो किसी सरकारी अथवा सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय में छठी से 10वीं कक्षा तक पढ़ाते हों एवं 03 वर्ष तक पढ़ाने का अनुभव रखते हों। उन्होंने कहा कि ऐसे अध्यापकों को अन्तिम वेतन प्रमाणपत्र के आधार पर प्रतिमाह वेतन तथा 800 रुपए प्रतिमाह वृत्ति देय होगी। तारिक़ खान ने कहा कि बीएड अथवा एमएड उपाधि धारक भी प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए 5000 रुपए प्रतिमाह वेतन तथा 800 रुपए वृत्ति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्नातक उपाधि धारक अभ्यर्थी भी इस प्रशिक्षण के लिए पात्र होंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को केवल 800 रुपए प्रतिमाह वृत्ति प्रदान की जाएगी। इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी भारतीय भाषा संस्थान, मैसूर की वेबसाइट www.ciil.org पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय भाषा केन्द्र एकक, भारतीय भाषा संस्थान, मैसूर के दूरभाष नम्बर 0821-23451-56 एवं उर्दू शिक्षण तथा अनुसन्धान केन्द्र सपरून, सोलन से दूरभाष नम्बर 01792-223424 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने आज यहां चिल्ड्रन पार्क से ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के अन्तर्गत ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। डाॅ.सैजल ने इस अवसर पर उपस्थित बच्चों, युवाओं एवं अन्य को फिट इंडिया की शपथ भी दिलाई। आयुष मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्वतंत्र देश के नागरिक के रूप में आज प्रत्येक भारतवासी गौरावान्वित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि स्वतन्त्रता ने हमें न केवल समानता के साथ जीने का अधिकार प्रदान किया है अपितु देशवासियों को अपनी इच्छा से देशहित में कार्य करने का अवसर भी दिया है। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं से आग्रह किया कि देश की स्वतन्त्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की शहादत को सदैव स्मरण रखें। उन्होंने कहा कि देश के स्वतन्त्रता सेनानियों के जीवन वृत्त के बारे में युवा पीढ़ी को अवगत करवाया जाना चाहिए। उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने इस अवसर पर सभी को बधाई दी और आशा जताई कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनेगा। प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद, बघाट बैंक सोलन के अध्यक्ष पवन गुप्ता नगर निगम सोलन की पार्षद मीरा आनंद, शैलेन्द्र गुप्ता, भाजयुमो सोलन के अध्यक्ष नरेन्द्र ठाकुर, भाजपा जिला महामंत्री संजीव सूद, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त ज़फ़र इकबाल, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, पुलिस उपाधीक्षक रमेश शर्मा एवं योगदेश दत्त जोशी, तहसीलदार सोलन गुरमीत नेगी, खण्ड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा, नेहरू युवा केन्द्र सोलन की उपनिदेशक ईरा प्रभात, समन्वयक लेखराज कौशिक, डिफेन्स एकेडमी सोलन, श्योन्थल क्लब, सोलन हाॅकी, कोरो कैंथड़ी क्लब, कनाह यूथ क्लब, लगहेच यूथ क्लब, एचीवर एकेडेमी, जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग से जुड़े खिलाड़ी सहित विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के छात्र एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
श्रम मुद्दों पर संसदीय समिति की शिमला के वाइल्डफ्लावर हॉल में बैठक आयोजित हुई। बैठक में मजदूरों की मांगों पर संसदीय समिति के सदस्य राज्य सभा सांसद व सीटू राष्ट्रीय सचिव एलामारम करीम, सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की व ज्ञापन सौंपा। सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि भारत सरकार की श्रम मुद्दों पर संसदीय समिति की वाइल्ड फ्लावर हॉल में बैठक सम्पन्न हुई जिसमें लोकसभा व राज्य सभा के अट्ठाई सांसद शामिल हुए। उन्होंने इस बैठक में मजदूर यूनियनों व मजदूरों को नहीं बुलाने पर कड़ा रोष ज़ाहिर किया है। इस से साफ होता है कि संसदीय समिति शिमला में केवल सैर सपाटा करने आई थी व उन्हें मजदूरों की समस्याओं से कोई वास्ता नहीं था। उन्होंने प्रदेश सरकार,इसके आला अधिकारियों व केंद्रीय श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर गम्भीर सवाल खड़ा किए हैं। विजेंद्र मेहरा ने संसदीय समिति से मांग की है कि वह तुरन्त देशभर के कैज़ुअल,कॉन्टैक्ट,आउटसोर्स, ठेका व फिक्स टर्म मजदूरों के नियमितीकरण के लिए नीति बनाने हेतु संसद में कानून बनवाने के लिए पहलकदमी करें। उन्होंने मांग की है कि वर्ष 2013 में हुए 45वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिश अनुसार आंगनबाड़ी, आशा, मिड डे मील, नेशनल हेल्थ मिशन व अन्य योजना कर्मियों को नियमित किया जाए। उन्होंने ओल्ड पेंशन बहाली के लिए संसद में कानून बनाने की मांग की। उन्होंने मजदूरों के लिए देश में एक ही वेतन प्रणाली लागू करने की मांग की तथा 15वें भारतीय श्रम सम्मेलन,वर्ष 1992 के उच्चतम न्यायालय के निर्णय तथा सातवें वेतन आयोग की सिफारिश अनुसार न्यूनतम वेतन 21 हज़ार रुपये घोषित करने की मांग की।
सेब की कीमतों में लगातार आ रही गिरावट के बाद प्रदेश के किसानों -बागबानों के समर्थन में किसान नेता राकेश टिकैत हिमाचल के दौरे पर है। बागवानों के समर्थन से पूरे देश में बड़े आंदोलन की हुंकार टिकैत ने शिमला से भर दी। सरकार अगर किसानों व बागवानों के हितों में फैसले नही लेती है तो शिमला को दिल्ली बनते हुए देर नही लगेगी। यह बात राष्ट्रीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। राकेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली में 9 महीने से ज्यादा समय से किसान आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन सरकार किसानों की बात मानने को तैयार नही है। वन्ही अब हिमाचल के सेब में आई गिरावट अडानी के द्वारा प्रदेश में बनाये कोल्ड स्टोर है। अभी बागवानों से सस्ते सेब खरीद कर स्टोर करके दोगुने रेट पर बेचे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेब बागवानों को बेमौसमी बारिश से भी नुकसान हुआ है। इसलिए वह यहां के किसानों दर्द जानने आये है। टिकैत ने कहा कि उद्योगपति किसानों की जमीनें हड़पना चाहते है। इसलिए यह साजिश रची जा रही है। प्रदेश के किसान इस आंदोलन से जुड़े हुए है। इनके हित्तों की रक्षा के लिए बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक तीन काले कानून वापिस नही लिए जाते हैं उनका आंदोलन जारी रहेगा। सेब के दामों में गिरावट कांट्रेक्ट फार्मिंग का ही उदाहरण है। अडानी ने किसानों से सस्ते दामों पर सेब खरीदा ओर फिर महंगे दामों में मार्केट में उतारा। इन कानूनों से विदेश में भी किसान बर्बाद हो गए है। वह किसान आंदोलन को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार किसी एक पार्टी की नही है बल्कि पूंजीपतियों की सरकार है इसलिए ऐसा षड्यंत्र हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में रात को भारी बारिश के कारण नुकसान हुआ है। आनी उपमंडल के अमरबाग कुशकुटल में भारी बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। तेज बारिश के बाद आई बाढ़ से क्षेत्र में उपजाऊ भूमि सहित फलदार सेब पौधे को नुकसान हुआ है। इसके अलावा सड़क किनारे खड़ा टिप्पर भी बाढ़ की चपेट में आ गया। इसके अलावा एक छोटा पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। बाढ़ के खौफ से ग्रामीण बेहद सहमे हुए हैं। उधर अमरबाग क्षेत्र में तीन-चार घरों को भूस्खलन से खतरा पैदा गया है। इन परिवारों के लोगों ने रिहायशी मकान छोड़कर खौफ के साये में खुले में रात गुजारी। भारी बारिश से हुई इस क्षति का जायजा लेने के लिए आनी से पुलिस व प्रशासन की टीम जल्द मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं आउटर सिराज में लगातार बारिश होने से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के घरों में दरारें आ गई हैं। सेब के बगीचे बह गए हैं। एक छोटा पुल भी बह गया है। कुटल अमरबाग में रिहायशी मकानों को भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ में नेपाली मूल की एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने नाबालिग का अपहरण करने वाले नेपाली युवक को घटना के तीन दिन बाद जिला किन्नौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को परिजनों को सौंप दिया है। जबकि, आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक यशवंत नगर पुलिस चौकी के तहत एक नाबालिग नेपाली लड़की को 24 वर्षीय नेपाली युवक 22 अगस्त को भगाकर ले गया था। लिहाजा, लड़की के पिता ने इसकी प्राथमिकी यशवंत नगर चौकी में करवाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर सेल की मदद से युवक के फोन की डिटेल हासिल की। पुलिस ने कड़ी दर कड़ी जोड़ते हुए किन्नौर में युवक और लड़की को खोजने की मुहिम चलाई। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम एवं भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और 363 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला सोलन ने जिला एड्स नियंत्रित सोसायटी सोलन के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस जिला स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता में बाहरा विश्वविद्यालय की छात्र वंशिका बटला और ऋषभ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, उसके बाद शूलिनी विश्वविद्यालय और जेपी विश्वविद्यालय ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। निदेशक युवा कल्याण बाहरा विश्वविद्यालय ने कहा कि बाहरा विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व की बात है कि छात्रों ने अन्य सभी को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पीआरओ बाहरा विश्वविद्यालय ने यह भी कहा कि छात्रों का सर्वांगीण विकास बाहरा विश्वविद्यालय का उद्देश्य है और इसके अनुसार हम छात्रों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए उपयुक्त मंच और वातावरण प्रदान करते हैं।
शिमला में एक बैठक का आयोजन भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। बैठक में खन्ना ने कहा कि हिमाचल के लोग और हमारी पार्टी लक्की है कि हिमाचल भाजपा के पास है शीर्ष एवं सशक्त नेतृत्व है। हमारे पास अनुभवी पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, नौजवान नेतृत्व के रूप में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एवं सरल स्वभाव वाले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल आज भी बूथ स्तर की बैठकों में भाग लेते है और कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करते है। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार को जब और जहाँ बुलाओ तो पूरा समय पार्टी को देते है। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जिस प्रकार से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को आशीर्वाद मिला और जनता के बीच उत्साह देखने को मिला उसके पीछे पार्टी ने एक जुट होकर पूरी ताकत लगाई थी। जिस प्रकार से प्रदेश में सरकार, संगठन और नेता एक कड़ी में काम कर रहे है, हिमाचल में मिशन रिपीट हो कर ही रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3 विधानसभा और 1 लोक सभा का उपचुनाव आ रहा हैं और सभी क्षेत्रों का हमने स्वयं दौरा किया है , इन हलकों में लाभार्थियों एवं कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखने को मिला है। हमने कई जगह त्रिदेव सम्मेलनों का आयोजन भी किया है जो पूरी तरह से कामयाब रहे है। उन्होंने कहा की हमारी पार्टी में टिकट वितरण की एक प्रक्रिया होती है और जैसे ही टिकट तय हो जाती है तो पूरी पार्टी जीतने के लिए लगती है। आने वाले उपचुनावों में जुब्बल कोटखाई विधानसभा और मंडी लोक सभा मे हम एक बार फिर जीतेंगे और अर्की व फतेहपुर विधानसभा में हमारा कब्ज़ा होगा।
शिमला: प्रदेश में सेब सीजन के चलते सड़क हादसे भी सामने आ रहे है। वंही अप्पर शिमला के कोटखाई में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। सेब को ट्रक में लादकर बेचने के लिए फल मंडी जा रहे दो बागवानों की सड़क हादसे में मोैत हो गई। सेब की 365 पेटियों से लदा ट्रक (एचपी 62ए-1587) कोटखाई के निहारी में खाई में जा गिरा। हादसे में दो बागवानों की मौेत हो गई है और ट्रक चालक सहित दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेैफर किया गया है। बता दें कि हादसा बीती रात 1 बजे के करीब पेश आया है। मृतकों की पहचान 51 वर्षीय ध्यान सिंह निवासी चिड़गांव जिला शिमला व 62 वर्षीय टिक्कम राम निवासी कल्पा जिला किन्नौेर के रूप में हुई है। ये दोनों बागवान थे व सेब बेचने ट्रक में सोलन की तरफ़ जा रहे थे। इस दुर्घटना में बिलासपुर निवासी ट्रक चालक जगजीवन शर्मा ओैर राहुल ठाकुर घायल हुए हैं। कोटखाई पुलिस ने सड़क हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर शुक्रवार को एशिया के सबसे ऊंचे गांव कौमिक पहुंचे। उन्होंने चीन सीमा से सटे लांगचा, हिक्किम, ताबो और कीह गोंपा का भी दौरा किया। राज्यपाल ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर वहां की संस्कृति के बारे में जाना। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाज समृद्ध हैं। यहां के लोगों ने अपनी इस पहचान को कायम रखा है। शुक्रवार को राज्यपाल काजा में जनजातीय संस्कृति से भी रूबरू हुए। एडीएम मोहन दत्त ने उन्हें पारंपरिक वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष राकेश टिकैत आज शिमला में सेब के गिरते दामों पर सरकार को घेरेंगे। दोपहर बारह बजे टिकैत प्रेस क्लब शिमला में पत्रकार वार्ता करेंगे। टिकैत का आज को होने वाला दौरा प्रदेश का तीसरा दौरा है। इससे पहले भी बागवानों से लूट के मामलों को टिकैत जोरदार तरीके से उठा चुके हैं। टिकैत के इस दौरे से दिल्ली में जारी किसान आंदोलन को हिमाचल के सेब बागवानों का समर्थन मिल सकता है। बता दें कि आज सुबह यानि शनिवार को राकेश टिकैत ने सोलन फल मंडी का सुबह दस बजे निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय किसानों के साथ बैठक की। अप्रैल में एक वीडियो जारी कर भी राकेश टिकैत ने सेब बागवानों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया था। उस समय सेब की फ्लावरिंग और सेटिंग के समय हुए नुकसान को उठाया गया था। इस वीडियो के जारी होने के बाद हरकत में आई सरकार ने कई कदम उठाए थे। अब प्रदेश में सेब के दाम एकाएक गिरने से प्रभावित हो रहे बागवानों के हक में दोबारा से राकेश टिकैत आवाज बुलंद करेंगे।
साल 2001 में प्रदेश की खेल नीति बनाई गई थी। बीते कई वर्षों से नई नीति बनाने के प्रयास जारी रहे। अब जयराम सरकार ने 19 साल बाद खेल नीति 2020 तैयार की है। हिमाचल की नई खेल नीति में पहली बार दिव्यांगों की खेलों के साथ साहसिक खेलों को शामिल किया गया है। राज्य अभिमन्यु अवार्ड, राज्य गुरू वशिष्ठ अवार्ड और अवार्ड फार दिव्यांग भी शुरू किए जाना प्रस्तावित है। वंही खेल नीति 2020 में प्रदेश में स्पोर्ट्स म्यूजियम और लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी। भाषा एवं संस्कृति और पर्यटन विभाग के साथ मिलकर स्पोर्ट्स म्यूजियम बनाया जाएगा। इसमें खेल गतिविधियों से जुड़े प्रदेश के इतिहास, बेहतरीन खिलाड़ियों की जानकारी मुहैया करवाई जाएगी। स्पोर्ट्स लाइब्रेरी में खेल से जुड़ी अलग-अलग तरह की लिखित सामग्री और ओलंपिक स्पोर्ट्स की किताबें उपलब्ध करवाई जाएंगी। नई खेल नीति में खेल संघों को मजबूत करने के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। एक खेल के लिए एक ही संघ बनाने का इसमें सबसे बड़ा प्रावधान है। निष्क्रिय हुए खेल संघों की मान्यता रद्द करने का भी इसमें प्रावधान है। वंही ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों के पदक विजेता को पेंशन दी जाएगी। अर्जुन अवार्ड, ध्यानचंद अवार्ड और राजीव गांधी खेल रत्न प्राप्त अवार्डियों को मासिक वेतन भी दिया जाएगा। गांवों से शहरों तक नए स्टेडियम बनाए जाएंगे। स्पोर्ट्स ट्रेनिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए 58 करोड़ का प्रस्ताव है। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में तीन फीसदी आरक्षण देने और एथलीट को घायल होने पर एक लाख का बीमा कवर देने का प्रावधान भी किया गया है। इस खेल नीति 2020 में कुल्लू को ऐडवेंचर स्पोर्ट्स, सिरमौर और कांगड़ा को एथलेटिक्स और कबड्डी का हब बनाया जाएगा। स्कूलों में फिजिकल एजूकेशन और खेलों को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने का प्रावधान भी किया गया है। राष्ट्रीय, राज्य, जिला और उपमंडल स्तर के एथलीटों को स्कूल-कॉलेजों की हाजिरी में भी विशेष छूट दी जाएगी।
रक्षाबंधन के दिन से गुग्गा नवमीं की पूजा आरंभ हो गई है। हर गांव-गांव में जाकर कई मंडलियां ने गुग्गा जाहर पीर को डोल नगाढ़ों, ढमरू, थाली बजा कर पूजना शुरू कर दिया है। जिला कागडा़ में गुग्गा जाहिर पीर की मंडलियों से भी चहल-पहल भरा माहौल रहा। गाँव के दुकानों व घरों में जाकर कई मंडली ने गुग्गा जाहिर पीर की कथा सुनाई। गौर हो प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन के साथ ही गुग्गा नवमीं का आरंभ हो जाता है तथा यह नौ दिन गुग्गा जाहर पीर की पूजा के लिए विशेष माने जाते हैं। कई मंडली इन दिनों में गुग्गा का गुणगान करती हैं तथा इन दिनों में उन्हें लोगों से जो भी दान स्वरूप प्राप्त होता है, उसे मंडलियों के सदस्य आपस में बांटते हैं तथा उसमें से कुछ अंश गुग्गा के मंदिरों में चढ़ाते हैं। जिला कागडा़ में गत दिवस गुग्गा जाहिर पीर का गुणगान कर रही मंडली गुरनवाड़ के सुदर्शन कुमार ने बताया कि हर वर्ष रक्षाबंधन के दिन से गुग्गा नवमीं का आरंभ होता है तथा रक्षाबंधन से लेकर नौ दिनों तक गुग्गा जाहर पीर को पूजा जाता है। गुग्गा नवमीं पर गुग्गा जाहर पीर को विशेष रूप से पूजा जाता है। नवमी के अवसर पर प्राचीन समय से ही जाहर पीर को पूजा जाता आ रहा हैं। इस अवसर पर मंडली सदस्यों परमजीत सिंह ,राकेश कुमार ,राज कुमार ,विजय कुमार व रवि वताया डाडा सीबा क्षेत्र के सभी दुकानों व घरों में जाकर गुग्गा जाहर पीर का गुणगान किया।
प्रत्येक नागरिक को जीवन रक्षा का अधिकार प्रदान करने के व्यापक मिशन में अग्रणी रहने वाली जीवीके ई एमआरआई 108 आपातकालीन सेवा कोविड-19 के मुश्किल वक्त में प्रदेश वासियों के लिए आशा और विश्वास की एक सच्ची साथी बनी हुई है। यह सेवा प्रदेश वासियों के लिए मुश्किल दौर में निसंदेह एक वरदान सिद्ध हुई है। वही इसी कड़ी के तहत डाडा सीबा सिविल अस्पताल मे तैनात आपातकालीन 108 व 102 जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंस नगरोटा बागवां के कर्मचारियों को सीएमओ कांगड़ा कार्यलय मे सम्मानित किया गया जिसमें परविंदर सिंह ,दिनेश कुमार, सतवीर सिंह, सुदर्शन कुमार और सुरजीत कुमार को स्वच्छता अभियान" मेरी एंबुलेंस स्वच्छ एंबुलेंस" के तहत अपनी एंबुलेंस को सभी समीकरणों के तहत जैसे कि एंबुलेंस की स्वच्छता सभी उपकरणों का सही तरीके का रखरखाव तथा सभी दस्तावेजों को समय अनुसार भरने के लिए उनके अच्छे से देखरेख करने के लिए जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ गुरदर्शन गुप्ता जिला कांगड़ा द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जीवीके इएमआरआई के स्टेट हेड मेहुल सुकुमार और जिला प्रभारी विकास दिओलिया भी मौजूद रहे।
किसान सभा रियासत डाडा सीबा स्थित सयूल खडड की मासिक बैठक सभा के अध्यक्ष सुरजीत सिंह सपेहिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में किसानों ने मांग की है कि भारत सरकार द्वारा किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने के बारे में हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक विशेष कमेटी का गठन किया है जिसके लिए सभा में मांग रखी गई की सरकार किसान सभा रियासत डाडा सीबा सथित सयुल खडड जो कि एक पंजीकृत सभा है इसमें भी कुछ लोगों को इस कमेटी के में लिया जाए। दूसरी मांग सभा ने किसान निधि योजना के बारे में कि जिसमें आम किसानों की भांति गैर मरूसी किसानों को भी इस योजना का लाभ मिल सके सब ने सरकार से मांग की कि मक्की की फसल पर लग रहे कीड़े के लिए उचित दवाई का प्रबंध किया जाए ताकि किसानों को इस बीमारी से निजात मिल सके किसान सभा ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के स्वर्ग सिधार जाने पर 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी इस मौके पर सचिव वीरेंद्र कुमार, रामस्वरूप शर्मा, रतन चंद ,मनोज कुमार ,अजीत सिंह, मलकीत सिंह व चौधरी राम दास आदि सम्मिलित रहे।
उपमंडल देहरा के तहत मेन बाजार बढल ठोर में पिछले काफी सालों से बारिश का पानी सड़क पर इकट्ठा हो जाता है और आने जाने वाले राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश में पानी दुकानों में घुस जाता है पानी के साथ दुकान में रखा हुआ सामान खराब हो रहा है। दुकानदारों ने बताया की थोड़ी सी बारिश होने पर सड़क तालाब व कीचड़ का रूप धारण कर लेती है। जिससे बहुत दुर्गंध फैलती है दुकानों में कोई भी आ जा नहीं सकता। बसों में सवारी ना चढ़ सकती हैं और ना ही उतर सकती हैं। पिछले कुछ साल पहले जिलाधीश कांगड़ा खुद मौके पर आए और उन्होंने विभाग को निर्देश दिए थे कि जल्द से जल्द ही समस्या का समाधान करवाया जाए। परंतु 4 साल बाद भी कुछ भी नहीं हुआ वर्ष 2018 में दुकानदारों ने चक्का जाम किया तो भी आश्वासनों के सिवाय कुछ नहीं मिला। आज फिर स्थानीय दुकानदार इस पुरानी समस्या को लेकर जिलाधीश कांगड़ा डॉक्टर निपुण जिंदल को एक अर्जी के माध्यम से अपील कि है कि समस्या का हल किया। स्थानीय दुकानदारों सतीश सपेहिया, पुनीत शर्मा, अजय राणा, जाफर अली, मौज दीन, शुभम कौडल, कुलदीप कुमार, पवन कुमार, रामनाथ शर्मा ,अभिषेक शर्मा, हेमा, विजय ठाकुर ,जोगेंद्र व नरेश कुमार ने बताया हमारी इस समस्या का समाधान 20 दिनों के अंदर -अंदर नहीं हुआ तो हम दोबारा चक्का जाम करेंगे जिसकी जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग देहरा व एसडीएम देहरा और डीसी कांगड़ा की होगी कृपया करके हमारी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। क्या कहते हैं अधिकारी सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार देहरा से बात की गई तो उन्होंने बताया लोग जहां कहे विभाग वहां पर पानी ले जाने के लिए तैयार हैं लोग बताएं कि पानी की निकासी कहां करनी है जहां हम पानी निकालने का प्रयास करते हैं वहां से स्थानीय लोग मना कर देते हैं विभाग सब कुछ करने के लिए तैयार है स्थानीय लोगों का सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
प्रोसेसिंग प्लांट,सीए स्टोर, मार्किटिंग शैड, पार्किंग एवं अन्य आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पराला मण्डी को आदर्श मण्डी के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह बात शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, संसदीय कार्य, विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने फल मण्डी पराला के प्रोसेसिंग प्लांट, सीए स्टोर तथा मण्डी के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि 200 करोड़ रुपये की लागत से पराला मण्डी में प्रोसेसिंग प्लांट तथा सीए स्टोर, मार्किटिंग शैड तथा पार्किंग का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, जिसे जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा ताकि बागवानों को इस आधुनिक तकनीक से निर्मित पराला मण्डी का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पराला मण्डी में 70 हजार से एक लाख तक सेब की पेटियां रोज़ाना आती है और वहीं इस पराला मण्डी में लोगों को अन्य मण्डियों से अच्छे भाव मिलते है। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए कि विभिन्न मण्डियों में सीसीटीवी कैमरा व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएं ताकि आढ़ती, लदानी एवं बागवानों को सुविधाएं मिल सके। इस अवसर पर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान हरीश ठाकुर, मण्डलाध्यक्ष राजेश शारदा, हिमाचल प्रदेश विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक नरेश ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी ठियोग सौरव जस्सल, डीएसपी लखविन्द्र सिंह, एपीएमसी सचिव किन्नौर-शिमला ओपी बसंल, सैंज के प्रधान राजेन्द्र शर्मा तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
उपमण्डलाधिकारी एवं विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकारण (साडा) रिकांग पिओ के सदस्य सचिव स्वाति डोगरा ने शुक्रवार को साडा तथा साथ लगती ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बैठक का आयोजन किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि रिकांग पिओ बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में खुले में कूड़ा फैकने वालों पर नजर रखने के लिए सी.सी.टी.वी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि ऐसे व्यक्तियों पर सख्त कार्यवाही अमल में लाई जा सके। बैठक में बताया गया कि दुनालू में कपड़ों के धोने पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा उल्लघंन करने वालों पर ठोस कार्यवाही के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने दुनालू के साथ लगते सभी मकान मालिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने किराएदारों को दुनालू में कपड़े न धोने बारे जागरूक करें क्योंकि इससे साथ लगती कुल्ह का पानी दूषित हो रहा है। स्वाति डोगरा ने सभी पंचायतों को कलस्टर आधार पर श्रैडर व बेलर मशीन लगाने के लिए स्थान चिन्हित करने का भी आग्रह किया ताकि उस कलस्टर में निकलने वाले प्लास्टिक व ठोस कचरे का वैज्ञानिक ढंग से निष्पादन सुनिश्चित बनाया जा सके। उन्होंने साडा क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाईटों को शीघ्र चालू करने के भी निर्देश दिए तथा रिकांग पिओ से आई.टी.बी.पी रोड़ होते हुए बस स्टैंड के बीच स्ट्रीट लाईट लगाने के लिए स्थान चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सबंधित पंचायतों के जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे उनके क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाईटों की सूचना साडा कार्यालय को दें ताकि उनकी मुरम्मत की जा सके। स्वाति डोगरा ने साडा क्षेत्र के तहत आने वाले सभी नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग दें तथा गीला व सूखा कचरा अलग-अलग रखें ताकि इसका सही प्रकार से निष्पादन सुनिश्चित बनाया जा सके। बैठक में साडा क्षेत्र में रहने वाले सभी नेपाली व अन्य मजदूरों का पंजीकरण व भाड़ा सुनिश्चित करने का भी जन प्रतिनिधियों द्वारा सूझाव दिया गया जिस पर साडा सचिव ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इन विषयों पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। बैठक में उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी ग्रामीण विकास अभिकरण जयवंती ठाकुर, खण्ड विकास अधिकारी कल्पा अमर पाल, जिला परिषद सदस्य शांता कुमार, हितैष कुमार, सरिता नेगी, पंचायत समिति कल्पा के अध्यक्ष गंगा राम, पंचायत समिति सदस्य ललिता देवी, कुसूम देवी, किशोर कुमार, ग्राम पंचायत युवारंगी की प्रधान गंगा देवी, प्रधान कल्पा सरिता कुमारी, प्रधान खवांगी सत्या कुमारी, प्रधान शुद्धारंग दलीप कुमार, प्रधान तेलंगी भूपेंद्र सिंह, प्रधान कोठी ओम प्रकाश नेगी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरज भान सहित अन्य उपस्थ्ति थे।
मस्कुलर डिस्ट्राॅफी यानी पांसपेशीय दुर्विकास एक ऐसा तांत्रिका संबंधी विकार है जिसमें प्रभावित व्यक्ति अपने दैनिक कार्यों के लिए भी पूरी तरह से दूसरों पर निर्भर हो जाता है। कोई सोच भी नहीं सकता कि ऐसा व्यक्ति मैदान में खेल भी सकता है। लेकिन यह पेरा बोसिया नामक खेल के साथ संभव हो गया है। यह एक ऐसा खेल है जिसमें मस्कुलर डिस्ट्राॅफी से प्रभावित लोग भाग ले सकते हैं। अच्छी खबर यह है कि एकीकृत मस्कुलर डिस्ट्राॅफी पुनर्वास केंद्र, सोलन में पैरा बोसिया के लिए इस खेल के मैदान को इंडियन एसोसिएशन आॅफ मस्कुलर डिस्ट्राॅफी ने डिजाइन किया है। पैरा बोसिया स्पोट्र्स वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष जसप्रीत सिंह धालीवाल ने आज यहां बताया कि बोसिया खेल वर्ष 1984 से पैरालोंपिक खेल के रूप में खेला जा रहा है। यह पैरालोंपिक खेलों में एक प्रतिस्पर्धी खेल आयोजन रहा है। यह खेल पूरी तरह व्हीलचेयर से चलने वाले खिलाडि़यों के लिए पैरालोंपिक खेलों में चार श्रेणियों के लिए बनाया गया है। सोलन में 29 अगस्त, 2021 को सायं 3 बजे ऐतिहासिक बोसिया प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है। सोलन जिला की उपाुक्त कृतिका कुल्हारी इस उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
बाल संरक्षण के तहत विभिन्न विभागों में चल रही विविध योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों को मिले। इस संबंध में सम्बद्ध विभागों को एक मंच पर इकट्ठा कर समन्वय व परामर्श कर कार्य को गति प्रदान करना इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है। यह विचार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वंदना योगी ने बचत भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल संरक्षण से जुड़े सांझा धारकों के लिए आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा आयोजित कार्यशालाओं की कड़ी में यह दसवां जिला है, जिसमें कार्यक्रम आयोजित किया गया है। आगामी दिनों में किन्नौर व लाहौल-स्पीति में भी इस संबंध में कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आने वाली कठिनाइयों और बाधाओं का सामंजस्य व समन्वय बिठाकर दूर करने के लिए हमें गंभीरता से प्रयास करने होंगे। उन्होंने बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और संरक्षण के प्रति प्रत्येक विभाग को अपनी भूमिका सुनिश्चित कर कार्य का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों द्वारा बाल संरक्षण एवं किशोर अधिनियम के संबंध में जानकारी साझा की जा रही है ताकि सम्बद्ध विभाग बिना किसी शंका के प्रभावी रूप से बच्चों के अधिकारों के प्रति कार्य करने में तत्पर हो सके। कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग वंदना चैहान, जिला बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अमिता भारद्वाज, सदस्य शैलेजा सूद, राजेश्वरी शर्मा, रीटा शर्मा, परियोजना अधिकारी डीआरडीए संजय भगवती, निदेशक उच्च शिक्षा डाॅ. निरुपमा गुप्ता, जुविनाईल जस्टिस बोर्ड की सदस्य सुनीता सूद तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम का सशक्तिकरण, हि.प्र. शिमला द्वारा अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, एकल नारी, विधवा, परित्यक्ता, विकलांग, एकल नारी के लिए संचालित कम्प्यूटर एप्लीकेशन एवं समवर्गी क्रिया-कलापों से संबंधित डीसीए व पीजीडीसीए का प्रशिक्षण के लिए अंतिम तिथि अब 6 सितम्बर, 2021 कर दी गई है। उन्होंने बताया कि एप्लिकेशन व समवर्गी क्रिया-कलापों में प्रशिक्षण एवं दक्षता योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, विधवा, परित्यक्ता, एकल नारी व विशेष रूप से सक्षम (दिव्यांग) एवं अल्प संख्यक वर्ग के 18 से 35 वर्ष के मध्य आयु वर्ग के सभी अभ्यर्थी, जो गरीबी रेखा से नीचे बीपीएल परिवार के सदस्य हैं या जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 2 लाख रुपये से कम है, वे इस योजना के अंतर्गत पीजीडीसीए एवं डीसीए के 1 वर्षीय प्रशिक्षण के लिए पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि पीजीडीसीए के लिए न्यूनतम शिक्षा स्नातक तथा डीसीए के लिए न्यूनतम शिक्षा जमा दो अनिवार्य होगी। उन्होंने बताया कि पात्र व इच्छुक अभ्यर्थी जिला कल्याण अधिकारी व तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में आवेदन करें।
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी प्रोटोकाॅल सचिन कंवल की अध्यक्षता में शुक्रवार को उप निर्वाचन 2021 के संदर्भ में 65-जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र व 2-मण्डी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 66-रामपुर निर्वाचन क्षेत्र के समस्त निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण टीमों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने उपस्थित टीमों को सौंपे गए कार्यों को तत्परता से करने के निर्देश दिए तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन वेद शर्मा ने निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण टीमों के कार्यों के बारे में अवगत करवाया। बैठक में नायब तहसीलदार निर्वाचन एवं विभिन्न अनुवीक्षण टीमों के प्रभारी उपस्थित थे।
इंडो-अमेरिकन बिजनेस एंड आर्ट्स काउंसिल (आईएबीएसी) ने सैन फ्रांसिस्को के भारतीय महाकाॅन्सल के सहयोग से शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश पर केंद्रित इंडो-यूएस परिसंवाद का आयोजन किया। खाड़ी क्षेत्र के हिमाचलियों ने वर्चुअल माध्यम से इस परिसंवाद को अपना सहयोग दिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर अपने वर्चुअल संदेश के माध्यम से संगोष्ठी में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा आईएबीएसी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने देवभूमि हिमाचल की सुंदरता का भ्रमण करने और प्रदेश की प्रकृति का आनंद लेने के लिए उन्हें यहां आमंत्रित किया। उन्होंने इच्छुक निवेशकों को राज्य में निवेश के अपार अवसरों की संभावनाएं तलाशने के लिए भी न्यौता दिया। अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग एवं ऊर्जा आर.डी. धीमान ने इस कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से आईएबीएसी का आभार व्यक्त किया और इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा निवेशकों को प्रदान किए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों जैसे - किफायती दरों पर भूमि की उपलब्धता, उच्च गुणवत्ता और भरोसेमंद बिजली व्यवस्था तथा अग्रसक्रिय व सुलभ प्रशासन से अवगत करवाया। उन्होंने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश व्यापार में सुगमता सुधारों जैसे ऑनलाइन एकल खिड़की स्वीकृति प्रणाली, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों की इकाइयों की स्थापना के लिए स्व-प्रमाणन, मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा ऑनलाइन नियमित ट्रैकिंग और निगरानी में देश के अग्रणी राज्यों में एक है। खाड़ी क्षेत्र सैन फ्रांसिस्को, कैलिफोर्निया का प्रतिनिधित्व करने वाले अमेरिकी महासभा के सदस्य रोहित खन्ना, सैन फ्रांसिस्को में भारत के काॅन्सल जनरल डा. नागेंद्र प्रसाद, सामाजिक कार्य विशेषज्ञ महेश निहलानी खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख वक्ता थे। संगोष्ठी ने राज्य सरकार, व्यवसायों के राज्य में निवेश के नए अवसर तलाशने और व्यापार के अवसरों को साझा करने के लिए एक मंच प्रदान किया। रोहित खन्ना ने कहा कि वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से हैं और प्रदेश की इस पहल का समर्थन करते हैं। निवेशकों ने आतिथ्य और आईटी क्षेत्र में गहरी रूचि दिखाई। सैम देवधारा (खाड़ी क्षेत्र में होटल श्रृंखला के मालिक) ने आतिथ्य क्षेत्र में अपनी रुचि दिखाई। अमित जावेरी (महाप्रबंधक, गूगल क्लाउड) ने सरकारी विभागों सहित भारत में अपने ग्राहकों और गूगल के लिए हिमाचल प्रदेश में संभावित अवसरों का उल्लेख किया। महेश निहलानी ने राज्य सरकार के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल को हिमाचल दिवस समारोह के लिए खाड़ी क्षेत्र (बे-एरिया) कैलिफोर्निया का दौरा करने और सिलिकाॅन वैली के निवेशकों के साथ बैठक आयोजित के लिए आमंत्रित किया।
खेल युवाओं को आगे लाने और उनकी क्षमता को बढ़ाने का एक अच्छा मंच है। खेल मनोरंजन का ही साधन नही बल्की युवाओं को नशे से दूर भी रखता है। यह बात भगनाल ट्रांसपोर्ट के संचालक मनोज भगनाल ने कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारंभ के मौके पर बतौर मुख्यातिथी शिरकत करते हुए कही। मनोज भगनाल ने मंदिर प्रांगण और मैदान के लिए एक लाख देने की घोषणा की। उन्होंने आयोजको को 5100 रूपए नगद राशि भी भेंट की। प्रतियोगिता की आयोजक झिमिदार नवयुवक मंडल के अध्यक्ष जब्बर सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में राजगढ़ क्षेत्र की 40 से अधिक टीमें भाग ले रही है और यह अगले 3 दिन तक चलेगी। प्रतियोगिता के विजेता को 26000 और उपविजेता को 11000 केश प्राईज से सम्मानित किया जायेगा। इस मौके पर पछाद युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष भगनाल,अनिल भगनाल, अंकुश भगनाल, सुनील भगनाल, रणजोत, दिनेश, संदीप इत्यादि भी मौजूद रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता डॉ राकेश शर्मा ने दावा किया है कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति को अंतिम स्टेज पर आने से योग क्रिया जल नेति प्राकृतिक चिकित्सा रोक सकती है। उनका कहना है क्योंकि कोविड-19 के मरीज की वेंटिलेटर पर जाने के बाद रिकवरी मुश्किल हो जाती है, लेकिन जल नेति के साइनोसाइटिस, सर्दी, जुकाम, एलर्जी के इलाज और नासिका मार्ग (नैजल ट्रैक) की साफ सफाई के लिए यह एक भौतिक उपाय माना जाता है, इसके नियमित अभ्यास से दिमाग शांत रहता है और उसकी ग्राह्य क्षमता में वृद्धि होती है। जलनेति योग क्रियाओं की सप्त क्रियाओं में से एक महत्वपूर्ण क्रिया है यह एक ऐसी क्रिया है जिसमें पानी द्वारा योग किया जाता है। इस योग द्वारा नाक की सफाई की जाती है जिस से नासिका मार्ग खुल जाता है और गले तक शुद्ध हवा पंहुचती है जो गले से नाक तक की समस्याओं से छुटकारा दिलाने के लिए सहायक होती है। डॉ राकेश शर्मा का कहना है कि जो लोग सिर दर्द से पीड़ित रहते हैं या जिन्हें एलर्जी की समस्या रहती है आंख गले नाक और कैटरस की बीमारियों से ग्रस्त रहते हैं उन सबके लिए जलनेति क्रिया वरदान सिद्ध हो सकती है, यह एंडोनोइडस और म्युकस मेम्ब्रेन की सूजन को ठीक करने में भी सहायक होती है। उनका मानना है कि पारंपरिक प्राकृतिक चिकित्सक रोग की पहचान और निदान ही शुरु नहीं करते बल्कि पूरे शरीर के स्वस्थ होने और शरीर के नीरोग होने की प्रक्रिया पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हैं।
स्वदेशी जागरण मंच हिमाचल प्रांत का विचार वर्ग (प्रशिक्षण शिविर ) कुल्लू में होने जा रहा है। विस्तृत जानकारी देते हुए स्वदेशी जागरण मंच के ज़िला मीडिया संयोजक राजेंद्र चौधरी ने बताया कि उद्घाटन सत्र 29 अगस्त को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढालपुर में दोपहर 2 बजे प्रारंभ होगा। शिविर में मुख्य अतिथि के तौर पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर शिरकत करेंगे। जबकि मुख्य वक्ता के रूप में मंच के अखिल भारतीय सह संगठक सतीश कुमार अपने ओजस्वी विचार सांझा करेंगे। स्वदेशी जागरण मंच के हिमाचल प्रांत संयोजक नरोत्तम ठाकुर, सह संयोजक गौतम राम कश्यप, ज़िला संयोजक तेज राम, सह संयोजक देव चंद ने उक्त कार्यक्रम में मंच के पदाधिकारियों को बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया है। दो दिवसीय शिविर 29 व 30 अगस्त को आयोजित होगा।
खंड धुन्दन के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला मांडी केंद्र घनागुघाट में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। बैठक में पुरानी एसएमसी को भंग करके नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से इंद्रावती को एसएमसी का प्रधान चुना गया। इसके साथ ही अन्य सदस्यों में सुमन, चंपा देवी, आशा शर्मा, ममता शर्मा को एसएमसी का सदस्य चुना गया। इस मौके पर मुख्य अध्यापिका संजय देवी, अजय गौतम, सुमन शर्मा व प्रमिला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल 28 अगस्त को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। डाॅ.सैजल इस दिन प्रातः 6.00 बजे सोलन स्थित चिल्ड्रन पार्क से ‘आजादी के अमृत उत्सव’ के अन्तर्गत ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ को झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। देश की स्वतन्त्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर केन्द्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में नेहरू युवा केन्द्र सोलन द्वारा 28 अगस्त को ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ का आयोजन किया जा रहा है। ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ 28 अगस्त को प्रातः 6.00 बजे चिल्ड्रन पार्क सोलन आरम्भ होगी। फिट इंडिया फ्रीडम रन चिल्ड्रन पार्क सोलन से मालरोड सोलन होते हुए चम्बाघाट तथा चम्बाघाट से पुनः वापिस चिल्ड्रन पार्क सोलन में समाप्त होगी। इस अवसर पर सभी को फिट इंडिया की शपथ दिलाई जाएगी। भारत की स्वतन्त्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संदेश भी सुनाया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत करना तथा उन्हें स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक बनाना है।
इण्डियन एसोसिएशन ऑफ मस्क्यूलर डिस्ट्राॅफी द्वारा सोलन में दिव्यांग जन के लिए बोशिया खेल का राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी इण्डियन एसोसिएशन ऑफ मस्क्यूलर डिस्ट्राॅफी की अध्यक्ष संजना गोयल ने दी। उन्होंने कहा कि 7 दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारम्भ 29 अगस्त को सांय 3.00 बजे किया जाएगा। सोलन की उपायुक्त कृतिका कुल्हरी शिविर का शुभारम्भ करेंगी। संजना गोयल ने कहा कि बोशिया एक ऐसा खेल है जिसे केवल व्हील चेयर पर बैठा व्यक्ति ही खेल सकता है। उन्होंने कहा कि यह खेल अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त है और इसे पैरा आॅलम्पिक गेम्ज़ में खेला जाता है। उन्होंने कहा कि मस्क्यूलर डिस्ट्राॅफी से पीड़ित व्यक्ति भी बोशिया खेल सकते हैं। उन्होंने कहा कि इण्डियन एसोसिएशन ऑफ मस्क्यूलर डिस्ट्राॅफी द्वारा मस्क्यूलर डिस्ट्राॅफी एकीकृत पुनर्वास केन्द्र ‘मानव मंदिर’ कोठों में बोशिया खेल के लिए ‘कोर्ट’ तैयार किया है। उन्होंने कहा कि इण्डियन एसोसिएशन ऑफ मस्क्यूलर डिस्ट्राॅफी इस असाध्य रोग से पीड़ित व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए कार्यरत है। मानव मंदिर में मस्क्यूलर डिस्ट्राॅफी से पीड़ित व्यक्तियों के स्वास्थ्य इत्यादि के दृष्टिगत अनेक शिविर एवं पाठ्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आयुष विभाग द्वारा आज सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सनवारा तथा टकसाल में एनीमिया बीमारी के विषय में लोगों को जागरूक किया गया। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने दी। डाॅ.राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि आज आयोजित शिविर में 240 व्यक्तियों की एनीमिया जांच की गई। ग्राम पंचायत सनवारा में 150 तथा ग्राम पंचायत टकसाल में 90 लोगों के रक्त की जांच की गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर बहुत कम पाया गया उन्हें पूरी जांच के लिए परामर्श दिया गया। डाॅ.राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि इन शिविरों में लोगों को बताया गया कि एनीमिया रोग का पूर्ण निदान सम्भव है तथा उचित पोषाहार के माध्यम से सदैव एनीमिया से बचा जा सकता है। शरीर में रक्त की कमी के कारण एनीमिया होता है। एनीमिया के कारणों में सबसे प्रमुख कारण शरीर में आयरन की कमी है। आहार में लौह तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं होता है, तब व्यक्ति एनीमिया पीड़ित हो जाता है। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी कारण से शरीर में रक्त की कमी हो जाती है तो भी यह समस्या उत्पन्न होती है। चोट लगने पर खून निकलना, माहवारी या प्रसव में अधिक मात्रा में खून का बहना भी एनीमिया का एक कारण है। शिविर में लोगों से आग्रह किया गया कि अपने भोजन में नियमित आधार पर फल एवं सब्जियां लें। इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। आज आयोजित शिविरों में आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ.मंजेश शर्मा, डाॅ.सोनिया धीमान, आयुष विभाग के कर्मचारी लता वर्मा, शंकर, पंचायत प्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य सरकार इस वर्ष 2 अक्तूबर से स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा का आयोजन करेगी। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा के संबंध में उच्च स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान हिमाचल प्रदेश की गौरवशाली यात्रा के 50 वर्षों में आम आदमी के योगदान का जश्न मनाया जाएगा। सरकार प्रदेश के विभिन्न विभागों के माध्यम से राज्य भर में 51 कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि स्वर्णिम रथ यात्रा लगभग दो महीने के दौरान प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह के अवसर पर 25 जनवरी को एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वर्णिम रथ को राज्य के विकास के गौरवशाली इतिहास प्रदर्शित करने के लिए नवीनतम उपकरणों से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख विभाग जैसे शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, लोक निर्माण, जल शक्ति, ग्रामीण विकास, वन और बिजली विभाग भी इन पचास शानदार वर्षों के दौरान हुए विकास का प्रदर्शन करेंगे।
जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर ने कहा कि भाषा एवं संस्कृति विभाग कुल्लू तथा श्री व्यास संस्कृत महाविद्यालय, रघुनाथपुर के सहयोग से संस्कृत सप्ताह का आयोजन दो सत्रों में देव सदन भवन में किया गया। प्रथम सत्र में सूत्र प्रश्नोत्तरी, संस्कृत गितिका व श्लोकोचारण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सूत्र प्रश्नोतरी में अजीत, उषा, किरण प्रथम स्थान, कल्पना, शिवानी, किरन कुमार द्वितीय स्थान, नरेन्द्र, रूचि, अमृता तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार, संस्कृत श्लाकोचारण प्रतियोगिता में रीतिका प्रथम स्थान, विपुल शर्मा द्वितीय स्थान, जीवन कला तृतीय स्थान पर रहे। संस्कृत गितिका में नैना प्रथम स्थान, मोना द्वितीय स्थान, रचना, अमृता ने तृतीय स्थान हासिल किया। सुनीला ठाकुर ने कहा कि द्वितीय सत्र में आजादी के 75वें वर्ष का उत्सव आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में रिंकु, निर्मला प्रथम स्थान पर, नितिका, शीतल द्वितीय स्थान, आस्था शर्मा, आस्था ठाकुर तृतीय स्थान पर रही। दूसरे सत्र में संस्कृत कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया, जिसमें डॉ.ओम कुमार शर्मा, मंगल चन्द ठाकुर, प्रेमिला ठाकुर, पन्ना लाल ठाकुर, पुरूशोतम लाल ठाकुर, बलदेव ने देशभक्ति से ओम-प्रोत संस्कृत कविता पाठ किया। डॉ. चान्द किशोर गौतम कुल्लू के प्रधानाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला भाषा अधिकारी सीता राम ठाकुर ने की। मंच संचालन ओम कुमार शर्मा द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 29 अगस्त को अपने एक दिवसीय लाहौल घाटी के दौरे पर आएंगे। तकनीकी शिक्षा, जनजातीय विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ रामलाल मारकंडा ने परिधि गृह में मुख्यमंत्री के दौरे के प्रबंधों को लेकर आयोजित बैठक के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री उदयपुर और लाहौल क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपए की राशि की योजनाओं व स्कीमों का तोहफा देने वाले हैं। मुख्यमंत्री 29 अगस्त को सुबह उदयपुर पहुंच कर विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास और उदघाटन की रस्म पूरी करने के बाद उदयपुर के आईटीआई ग्राउंड में 10 बजे लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से ही जिला मुख्यालय केलांग पहुंच कर भी करोड़ों रुपए की योजनाओं और स्कीमों की सौगात लोगों को देने के बाद पुलिस ग्राउंड में जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। बैठक में उपायुक्त नीरज कुमार, एसडीएम प्रिया नागटा, सहायक आयुक्त डॉ रोहित शर्मा, वन मंडल अधिकारी दिनेश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मदन बंधु, पुलिस उपाधीक्षक हेमंत ठाकुर, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विनोद धीमान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण बीसी नेगी, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड विक्रम राणा, महाप्रबंधक उद्योग राजेश शर्मा, पशुपालन उपनिदेशक डॉ गणेश, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम मंगल मनेपा, जिला कृषि अधिकारी डॉ चौधरी राम के अलावा अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे में 10 यात्री घायल हुए हैं। मौके पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सुलह विधानसभा क्षेत्र के चंबी के पास शुक्रवार दोपहर बाद एचआरटीसी की एक बस बेकाबू होकर सड़क से बाहर चली गई। हादसे में घायल 10 यात्रियों को नगरोटा बगवां सिविल अस्पताल लाया गया है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का जनजातीय जिला लाहौल स्पीति का दो दिवसीय दौरा पूरी तरह से सफल रहा है। यह बात लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रवि ठाकुर ने कही है। मीडिया को जारी अपने बयान में उन्होंने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने अपने दौरे के दौरान घाटी के स्थानीय लोगों की समस्याएं जहां विस्तार पूर्वक सुनी, वहीं जो भी व्यक्ति उनसे इस दौरान मिलने पहुंचा उससे आराम से मिल व क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों व समस्याओं पर उनके साथ विस्तार से चर्चा की। रवि ठाकुर ने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री ने दौरे के दौरान हिमाचल के बहुचर्चित सरचू सीमा विवाद को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्र का दौरा किया और इसे जल्द से जल्द सुलझाने की सलाह जयराम सरकार को दी। सीमा विवाद को लेकर मुकेश अग्निहोत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि लद्दाख के साथ चल रहा सीमा विवाद सुलझाया जाना चाहिए था, लेकिन इस मामले को लेकर विधानसभा में स्थानीय भाजपा विधायक एवं सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने मामला ही नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि अगर यही हालात चलते रहे तो लद्दाख धीरे-धीरे हिमाचल की सीमा के अंदर लगातार घुसपैठ करता रहेगा। इस मामले को गंभीरता से जयराम सरकार को लेना चाहिए था। रवि ठाकुर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने लाहौल स्पीति की जनता को आश्वासन दिया है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही सरचू सीमा विवाद का भी समाधान किया जाएगा। रवि ठाकुर ने बताया कि मुकेश अग्निहोत्री ने लाहौल के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का भी दौरा किया और यहां प्रभावित परिवारों से मिल उनकी आवाज विधानसभा में उठाने की बात भी कही है । ऐसे में यह कहा जा सकता है कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का लाहौल स्पीति का दौरा पूरी तरह जहां सफल रहा है वहीं मुकेश अग्निहोत्री लाहौल स्पीति के लोगों का दिल जीतने में भी कामयाब रहे।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला ने सूचित किया है कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को शुद्ध व अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से मतदाता सूचियों में विद्यमान प्रविष्टियों का सत्यापन व पात्र मतदाताओं की सूची बनाने के लिए 1 से 10 सितंबर तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 23-कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के सभी 154 बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्र के अंतर्गत घर-घर जाकर जांच और सत्यापन का कार्य करेंगे। एसडीएम ने कहा कि अभियान के दौरान मतदाता सूचियों में प्रविष्टियों का सत्यापन व शुद्धीकरण 1 जनवरी को 18 वर्ष से अधिक की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों के छूट गए नामों को निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करना तथा 1 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले संभावित मतदाताओं की सूची बनाने के अलावा दोहरे पंजीकरण, मृत, स्थाई रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का विवरण प्राप्त किया जाएगा। इसके अलावा गूगल सर्च में हिमाचल प्रदेश निर्वाचन विभाग टाइप करके अपनी पहचान पत्र संख्या डालकर ऑनलाइन भी नाम की पुष्टि की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा उपचुनाव-2021 को मध्य नजर रखते हुए मतदाता सूची में दर्ज होने से छूटे हुए मतदाताओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत चयनित किसी भी प्रदेश का प्रवासी लाभार्थी एक देश एक राशन कार्ड योजना के अंतर्गत जिला कुल्लू में कार्यरत किसी भी उचित मूल्य की दुकान से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न प्राप्त कर सकता है। इस बात की जानकारी उपयुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने दी। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न प्राप्त करने से पूर्व लाभार्थी को अपनी राशन कार्ड संख्या तथा आधार संख्या उचित मूल्य की दुकान को प्रस्तुत करनी होगी ताकि उचित मूल्य की दुकान पर स्थापित पोस मशीन से बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से खाद्यान्न उपलब्ध करवाए जा सके। प्रवासी लाभार्थी राशन कार्ड में दर्ज जितने सदस्यों का खाद्यान्न यहां प्राप्त करने का इच्छुक है उतने सदस्यों के खाद्यान्नों का कोटा यहां प्राप्त कर सकता है तथा शेष खाद्यान्न उसे उचित मूल्य की दुकान से प्राप्त कर सकता है जहां का वह मूल निवासी है या जिस उचित मूल्य की दुकान से उसका परिवार खाद्यान्न प्राप्त करता है। प्रवासी लाभार्थी जिला कुल्लू में उचित मूल्य की दुकान का स्थान जानने के लिए मेरा राशन ऐप डाउनलोड कर सकता है। इसके माध्यम से जिस स्थान पर प्रवासी रह रहा है उसके नजदीक कार्यरत उचित मूल्य की दुकान के स्थान के नाम की जानकारी प्राप्त कर सकता है तथा लाभार्थी अपने राशन कार्ड के साथ आधार शिडिंग भी कर सकता है ताकि बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त हो सके। प्रवासी लाभार्थी इस ऐप में अपना पंजीकरण भी कर सकता है ताकि लाभार्थी की जानकारी विभाग के पास पहुंच सके तथा उसे खाद्यान्न उपलब्ध करवाए जा सके। इस ऐप के माध्यम से लाभार्थी खाद्यान्नों की अपनी पात्रता की जानकारी भी प्राप्त कर सकता है। लाभार्थी विभाग के टोल फ्री नंबर 1967 से भी जानकारी प्राप्त कर सकता है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 28 अगस्त को मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए एक अरब से रुपये से अधिक की 26 बड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें सड़कें, पुल व जलपूर्ति योजनाओं के अलावा व्यावसायिक भवनों के उद्घाटन व शिलान्यास शामिल हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए चौथी बार इस प्रकार की बड़ी विकास योजनाएं प्रदान करेंगे। विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए जब भी मुख्यमंत्री से कोई मांग की, उन्होंने इसे स्वीकार करके लोगों की अपेक्षाओं को सहज ही पूरा किया है। विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में करोड़ों की परियोजनाएं बनकर तैयार हो चुकी हैं और अनेक विकास योजनाओं तथा निर्माण के कार्य प्रगति पर हैं। मंत्री का कहना है कि वह मनाली को प्रदेश के आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए कार्य कर रहे हैं जिसके चलते विधानसभा क्षेत्र कई मायनों में अधिकांश मानदण्डों में सबसे उपर है। गोविंद ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री 28 अगस्त को प्रातः 10.45 बजे बड़ाग्रां विहाल में परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे और इसके पश्चात जनसमूह को संबोधित करेंगे। गोविंद ठाकुर ने भाजपा पदाधिकारियों, पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए प्रतिनिधियों व आम लोगों को मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए 10 बजे से पहले समारोह स्थल पर पहुंचने की अपील की है।
शारीरिक शिक्षक संघ द्रंग खंड सेकिंड की नई कार्यकारिणी का गठन वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक नरेश कुमार की अध्यक्षता में डायनापार्क में किया गया। जिसमें शारीरिक शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी गठित की गई। जिसमें उच्च पाठशाला गरलोग में तैनात शारीरिक शिक्षक राकेश चौहान को प्रधान चुना गया, वही देवी राम मिडल स्कूल खिल को उप प्रधान चुना गया। कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए सचिव जितेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमा, सह सचिव राकेश वर्मा, मीडिया प्रभारी विनोद कुमार, मुख्य सलाहकार वीरी सिंह, सलाहकार मनीराम को चुना गया। वही शारीरिक संघ के सभी सदस्यों ने इस बैठक में भाग लिया। इस अवसर पर करीब दो दर्जन से भी ज्यादा शारीरिक शिक्षकों ने भाग लिया।
कुल्लू जिला में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं नागरिकों को मिले, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने आज सिविल अस्पताल मनाली के लिए विधायक निधि से एम्बुलेंस भेंट करने के उपरांत चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आगामी दो माह में एक और अत्याधुनिक एम्बुलेन्स इस अस्पताल को प्रदान की जाएगी ताकि मरीजों को और अधिक सुविधा मिल सके। गोविंद ठाकुर ने कहा कि नागरिक अस्पताल मनाली में हर तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। अस्पताल का खूबसूरत भवन बनाया जा रहा है और जो भी जरूरी उपकरण हैं, उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मनाली का नागरिक अस्पताल मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर रहा है, जिसके लिए उन्होंने चिकित्सकों व पैरा मैडिक्स की सराहना की। इस अवसर प्रदेशा भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, रजनी ठाकुर, जिला महामंत्री अखिलेश कपूर, मण्डलाध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, बीएमओ रणजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।


















































