कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में दो दिन पहले करोना पोस्टिव आए शिक्षक के बाद अब बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार का चौकीदार भी करोंना पोस्टिव आया। प्रदेश शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं 13 अप्रैल से आरम्भ होनी है व परीक्षाओं से ठीक पहले प्रदेश के विद्यालयों में कोरोना के मामले आने से अभिवावकों की चिंता बढ़ने लगी है। हिमाचल में दूसरी लहर में कोरोना खतरनाक होता नजर आ रहा है। जिला सोलन में कोरोना के मामले सबसे ज्यादा सामने आ रहे है। बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के चौकीदार की ट्रेवल हिस्ट्री में अभी हाल ही में पिहोवा हरिद्वार की यात्रा भी सामने आ रही है। पिछले सप्ताह अपने किसी निजी सम्बन्धी के पितृ कर्म करने के लिए उक्त कर्मचारी ने पिहोवा व हरिद्वार की यात्रा की है। विद्यालय प्रधानाचार्य के आदेशानुसार उक्त चौकीदार को यात्रा के पश्चात करोना टेस्ट की रिपोर्ट लाने को कहा गया था, जिसमें उसकी रिपोर्ट पोस्टिव पाई गई। विद्यालय प्रधानाचार्य बीएस ठाकुर ने बताया कि विद्यालय का चौकीदार पिछले सफ्ताह छुट्टी पर था।इस दौरान इसने पिहोवा हरिद्वार की यात्रा की थी। यात्रा के पश्चात इसका करोना टेस्ट करवाया गया था। शनिवार को चौकीदार की रिपोर्ट पोजटिव आने के बाद विद्यालय के हर एक कोने को सेनेटाइज कर दिया गया है, जंहा पर उक्त कर्मचारी का सम्पर्क था। बोर्ड की परीक्षाएं तय समय सारिणी के अनुसार ही होगी।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश में कोविड-19 के मामलों में अचानक आई तेजी के कारण उभरी स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि केन्द्र तथा राज्य सरकारों द्वारा कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए जारी की गई सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं तथा दिशा-निर्देशों को कड़ाई से लागू किया जाना चाहिए ताकि वायरस को नियंत्रित किया जा सके। हाई लोड वाले सात राज्यों में पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान और उत्तर प्रदेश शामिल हैं तथा इस माह की 16 तारीख के उपरान्त इन राज्यों से आने वाले लोगों को प्रदेश में आने के लिए 72 घण्टे पहले की आरटीपीसीआर नेगटिव रिपोर्ट लानी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार ने प्रदेश में पर्यटकों को आने की अनुमति प्रदान की है लेकिन इसके साथ वायरस को फैलने से रोकने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई मानक संचालन प्रक्रियाओं का होटल मालिकों तथा पर्यटकों द्वारा कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। माईक्रो कंटेनमेंट जोन की प्रभावी निगरानी के साथ जांच, ट्रेसिंग तथा उपचार की दोहरी रणनीति पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आरटीपीसीआर जांच के 70 प्रतिशत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आरटीपीसीआर जांच पर भी अधिक बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में बिस्तरों की क्षमता बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन के न्यूनतम अपव्यय को भी सुनिश्चिित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वायरस का तेजी से फैलना बेहद चिन्ता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गत 45 दिनों के दौरान 10,690 कोविड के मामले रिपोर्ट किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त कोरोना के कारण मृत्यु के मामले भी बढ़े हैं जिसमें गत 45 दिनों के दौरान प्रदेश में 120 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं को प्रदेश में विभिन्न मंदिरों के भ्रमण पर आने की अनुमति प्रदान की है लेकिन इसके साथ ही लंगर, भण्डारे तथा जागरण के आयोजन पर पूर्ण रूप से प्रतिबन्ध लगाया गया है। श्रद्धालुओं को सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए तथा फेस मास्क पहनकर पूजा एवं दर्शन करने के लिए मंदिरों में अनुमति प्रदान की है। मंदिर प्रबन्धन को राज्य सरकार द्वारा जारी की गई मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि बसों व अन्य सार्वजनिक यातायात माध्यमों और निजी वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों में भी फेस मास्क पहनना कड़ाई से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विवाह जैसे सामाजिक समारोहों के आयोजन से संबंधित मानक संचालन प्रक्रियाओं का भी कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानक संचालन प्रक्रियाओं के उल्लंघन में शामिल लोगों के विरूद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों की लापरवाही के परिणामस्वरूप राज्य में कोविड के मामलों में तेजी आई है। होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसे ही लोगों में कोई लक्षण पाया जाता है तो उन्हें तुरन्त जांच के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें बिना विलम्ब के उपचार प्रदान किया जा सके। जयराम ठाकुर ने कहा कि सूचना, शिक्षा एवं सम्प्रेषण पर विशेष बल देकर फेस मास्क के उपयोग, सामाजिक दूरी तथा किसी भी प्रकार के जुखाम जैसे लक्षण दिखने पर चिकित्सक को दिखाना शामिल किया जाना चाहिए। लोगों को अनावश्यक सार्वजनिक स्थलों पर जाने तथा कार्यालयों में भी सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाना चाहिए। मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जे.सी. शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अशोक तिवारी तथा स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी भी बैठक में उपस्थित थे।
सच्ची घटना लाहौला के ऊपर पर आधारित जगदीश सनवाल का लिखा हुआ गाना उनके यूट्यूब चैनल पर रविवार को रिलीज़ किया गया। इस गाने को जिला परिषद् सदस्य चंद्र मोहन शर्मा ने रिलीज़ किया। बता दें कि इस गाने में बेटी का रोल वंशिका राणा ने निभाया है। इसका म्यूजिक तिलक शर्मा तथा वीडियो साहिल स्टूडियो के बैनर तले बना है। यह काफ़ी वर्ष पहले वैसाखी के दिन घटी घटना मंडी ज़िला के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के पिंगला गांव में लाहौला नाम की लड़की के ऊपर आधारित है। पुरानी कहानी के अनुसार पिंगला गांव में एक किसान के परिवार में 7 बहनें होने के कारण बहुत गरीबी थीं l उस जमाने में बाप कुछ पैसे के लालच से लड़की की शादी कर देते थे। कहते हैं की जिसका नाम लाहौल था वो सबसे छोटी थीं l उसकी शादी कहीं बड़ी दुर कर दी जो कि लड़की की मर्जी में नहीं थीं। गांव के लोगों का कहना है कि लाहौला का पति गूंगा-बहरा था तथा गरीब होने के कारण रोटी भी नसीब नहीं होती थीं और उसकी सखी सहेली भी उसको ताने कसती थीं तो शादी के कुछ दिन बाद ज़ब लड़की अपने मायके वैशाखी के त्यौहार में आई और वो अपनी शादी से खुश नही थीं और उसने मायके के साथ में बहते गहरे पानी में छलांग लगा कर अपनी ईहलीला समाप्त कर दी ल ज़ब उसके पति को पता चला कि लाहौल मर चुकी है तो उसने भी पानी में छलांग लगा कर खुद को भी समाप्त कर दिया l इस गाने में भी जग्गू मामा ने लाहौला के मरने से पहले कि कल्पना की है और अपनी संस्कृति के ऊपर इस कहानी को नया मोड़ दिया है। इस गाने को सुनने से उसकी कहानी का साफ पता दिखाई देता है। जगदीश सनवाल ने अपने मंडी के ऊपर भी कई गाने लिख चूका है। जग्गू मामा के गानों का लोग बेसब्री से इंतजार करते है तथा लाखों दिलों में अपनी सुरीली आवाज से जादू बिखेर चुके है। लाहौला वो तेरीयां का विमोचन एक सादे समारोह में इस स्थान से संबंध रखने वाले प्रसिद्ध समाजसेवी चंद्रमोहन शर्मा ने किया।
ग्राम पंचायत सूरजपुर के अंतर्गत पिपलुघाट चौक पर शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। पंचायत के प्रधान ओम प्रकाश की अगुवाई में स्थानीय लोगों व कारोबारियों ने पिपलुघाट चौक व इसके आसपास के क्षेत्र को सवारा। कूड़ेदान के आसपास बिखरे कूड़े-कचरे और पॉलीथिन को एक जगह एकत्र कर जलाया गया। पंचायत प्रधान ने बताया कि 10 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच पंचायत के सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आवाहन किया है। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में कूड़े के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन का निष्पादन बड़ी चुनौती बन गया है। स्थानीय सीमेंट कारखाने भी सिर्फ सोलन शहर से ही सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन लेकर जला रहे है। उन्होंने प्रशासन से स्थानीय सीमेंट कारखानों में साथ लगती पंचायतों में एकत्र सिंगल युज प्लास्टिक और पॉलीथन को भी भिजवाने की व्यवस्था करने की मांग की है। इस दौरान पंचयात उपप्रधान कामेश्वर, वार्ड सदस्य किरण शर्मा, बिमला, कांता ठाकुर, सांता देवी, कन्नू राम, व्यापार मंडल अध्यक्ष मोहन लाल, सचिव, राज कुमार, भूप राम, राम दास, देविरूप शर्मा, कुलदीप, लेख राम, नरेंद्र,टेक चंद, अंकु, सेंटी, प्रेम लाल, जीतू, मानचंद, उमेश आदि मौजूद थे।
उपायुक्त सोलन के.सी. चमन ने 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वह कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण सुनिश्चित बनाने के लिए 11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक सोलन जिला में टीकाकरण महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस महोत्सव में प्रतिदिन 10,000 पात्र व्यक्तियों का टीकाकरण कर कुल 40,000 व्यक्तियों को टीका लगाने का प्रयास किया जाएगा। यह कार्य जिला के लगभग 100 टीकाकरण केन्द्रों पर किया जाएगा। वर्तमान में सोलन जिला में प्रतिदिन लगभग 3,000 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग की संख्या लगभग 01 लाख 40,000 है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि शीघ्र अति शीघ्र 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 से बचाव की दिशा में टीकाकरण कारगर है और सभी को पात्रता अनुसार अपना टीकाकरण अवश्य करवाना चाहिए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर मास्क सही प्रकार से पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से धोते रहें। जिला प्रशासन लोगों को इस दिशा में जागरूक बनाने के साथ-साथ नियमों की अवहेलना करने पर विधि सम्मत कार्रवाही भी कर रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल ने कहा कि कोविड-19 से बचाव के टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण किया जा रहा है। टीकाकरण महोत्सव में टीकाकरण केन्द्र में ही टीकाकरण से पूर्व पंजीकरण की सुविधा रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रथम टीका लगने के उपरान्त दूसरा टीका 06 से 08 सप्ताह में लगवाया जा सकता है। सोलन जिला में अभी तक कुल 8229 कोरोना पाॅजिटिव रोगी हुए हैं। उनमें से वर्तमान में 769 रोगी कोरोना पाॅजिटिव हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बचाव के लिए नियमों का पालन करें और आवश्यकता पड़ने पर अपना कोविड-19 परीक्षण करवाएं ताकि सभी सुरक्षित रह सकें। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मुक्ता रस्तोगी भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
हिमाचल प्रदेश विद्युत परिषद सेवानिवृत्त वेलफेयर एसोसिएशन दाड़लाघाट व नम्होल यूनिट की मासिक बैठक मुख्य सलाहकार कमल ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। महासचिव प्रेम केशव ने बैठक में कहा कि 65,70,80 वर्ष पूरे करने के उपरांत 5,10,15% भत्ते को बेसिक पेंशन में सम्मिलित करने का आश्वासन प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कई बार दिया गया ,परंतु सरकार इसे जारी करने में देरी कर रही है। इसके अलावा पंजाब वेतन आयोग के मुताबिक प्रदेश के कर्मचारियों को भी लाभ मिलना चाहिए। इस बैठक में 2003 के उपरांत सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा, उसे बहाल किया जाना अति आवश्यक है। बिजली बोर्ड के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बिजली भत्ता पंजाब पैटर्न के मुताबिक मिलना चाहिए। बैठक में प्रदेश बिजली बोर्ड में उपभोक्ताओं तथा प्रदेश बिजली बोर्ड में जो घाटा हो रहा है, उसके पक्ष में बिछाई गई सर्विस लाइनों में सुधार जिसमें तारों के कट व टी आदि को विभाग के बिजली कानून के अनुसार आदेश पारित करने का प्रावधान उसे लागू कर प्रदेश विद्युत बोर्ड को फायदा हो सकेगा। इस अवसर पर सुखराम नड्डा, प्रेम केशव, कमल ठाकुर, नंदलाल, सुहारु राम, नानकु राम, सुंदर लाल, लेख राम, सुखराम, रोशन लाल, ज्ञान सिंह, श्याम लाल, जगन्नाथ, राम लाल, बालकराम, जयपाल ठाकुर, ग्यारूर राम, दिला राम सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
धुन्दन के प्राचीन दुर्गा माता मंदिर में कृषि कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान नौणी विश्वविद्यालय के डॉ एचआर शर्मा, डॉ मीनू गुप्ता, डॉ डीपी गौतम, डॉ मनोज शर्मा ने किसानों को अलग-अलग विषय में कृषि से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। डॉ डीपी गौतम ने किसानों को प्राकृतिक खेती से जुड़े रहस्य के बारे में अवगत करवाया और किसानों से आग्रह किया कि जहर मुक्त खेती को अपनाएं। वहीं डॉ मनोज शर्मा ने कृषि में उपयोग होने वाले उपकरणों के अनुदान के बारे में भी किसानों को जानकारी दी। इस मौके पर सभी अतिथियों का स्वागत कृषक उत्पादक संघ के प्रधान रतन चंद बट्टू सहित अन्य सदस्यों ने शॉल और टोपी पहना कर किया। रतन चंद बट्टू ने किसानों को कृषि उत्पादक संघ के बारे में बताया तथा किसानों से आग्रह किया कि ज्यादा से ज्यादा किसान संघ की सदस्यता ग्रहण करें। इस मौके पर जलागम विकास परियोजना के प्रधान रूप लाल वर्मा ने भी जलागम परिजनों के बारे में किसानों को जानकारी दी। प्रधान ने कहा कि जलागम परियोजना व अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के माध्यम से धुन्दन पंचायत में पांच वर्षों में लगभग पेंतालिस लाख रुपये विभिन्न कार्यों पर खर्च किए गए हैं। किसान संघ धुन्दन के उप प्रधान राजेंद्र ठाकुर ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। इस मौके पर किसानों को भिंडी, खीरा, टमाटर, करेला आदि के बीज निशुल्क बांटे गए। इस अवसर पर सचिव राजपाल, एफपीओ परसराम, रामदत्त, मुंशी राम वर्मा, राजेंद्र वर्मा, सोमा शर्मा, कौशल्या शर्मा, करमचंद वर्मा, अतरू राम, दिलाराम, हेमराज, भगतराम, हीरा सिंह, गंगाराम, सुखदेव, अमरदेव, भूप चंद, प्रेम चंद, मनोहर लाल सहित अन्य किसानों ने भाग लिया।
सरकाघाट क्षेत्र के लगभग 15 स्कूलों के प्रबंधकों ने शुक्रवार को हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में स्कूलों को 23 अप्रैल तक बंद रखने के फैसले पर कड़ा एतराज जताया है। निजी स्कूलों के संचालकों ने एक बैठक के दौरान कहा कि कोरोना काल में निजी स्कूलों ने सरकार का पूरा साथ दिया है। पिछले वर्ष स्कूल बंद रहे जिससे बच्चों की पढ़ाई बहुत अधिक प्रभावित हुई है। स्कूल बंद रहने से निजी स्कूलों की आय के साधन पूरी तरह से खत्म हो गए है। बहुत से स्कूलों द्वारा करोड़ों रुपए का लोन लिए गया है जिसकी इंस्टॉलमेंट मीट आउट कर पाना बहुत मुश्किल हो रहा है। अब स्कूलों की हालत दयनीय हो गई है। हजारों निजी स्कूलों के अध्यापकों का रोजगार निजी स्कूलों पर निर्भर करता है, ऐसी परिस्थिति में बहुत से स्कूल पिछले वर्ष बंद हो चुके हैं। संचालकों ने कहा कि इस वर्ष सत्र के आरंभ में ही 4 अप्रैल तक स्कूल बंद करने का आदेश जारी हुआ। फिर इसकी अवधि 15 अप्रैल तक बढ़ा दी गई और अब शुक्रवार को कैबिनेट में फैसला लिया गया की कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते स्कूलों को 21अप्रैल तक बंद रखा जाए। संकेत यह लग रहे हैं कि अब शायद इस साल भी यही क्रम जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी राज्यों में कोरोना कहाँ भाग जाता है। चुनावी रैलियों में भीड़ आती है उस समय कोरोना प्रोटोकॉल क्या अलग सा होता है। सरकार इस तरह से दोहरा मापदंड क्यों अपना रही है। इस परिस्थिति में निजी स्कूलों के प्रबंधकों को आत्महत्या के लिए विविश होना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि अध्यापकों की वैक्सीनेशन करके जल्द से जल्द स्कूलों को नियमित खोलने का फरमान जारी करें ताकि निजी स्कूल चल सकें। इस बैठक में एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन सुरेंद्र कुमार राणा, लौर्ड्स कन्वेंट स्कूल के प्रबंधक बलवंत बराड़ी, जीवन ज्योति आदर्श विद्यालय के प्रबंधक जीवानंद, हिल व्यू पब्लिक स्कूल की प्रबंधक सुमन शर्मा, हिमालयन पब्लिक स्कूल के संचालक मनीष कुमार, ओयस्टर पब्लिक स्कूल के संचालक दिलबाग सिंह, सनराइज पब्लिक स्कूल के प्रबंधक पवन कुमार आदि शामिल हुए।
नालागढ़ में ढाणा स्थित एक सरिया उद्योग में गर्म लोहा गिरने से दो कामगारों की मौत हो गई, जबकि चार लोग बुरी तरह जल गए । यह हादसा गुरुवार रात 11:30 बजे हुआ, पुलिस ने कंपनी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तहसीलदार ने घायलों को पांच-पांच हजार और मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार रुपये तात्कालिक राहत दी। पुलिस के अनुसार उद्योग में कामगार लोहा पिघलाने के लिए फरनेस में स्क्रैप डाल रहे थे। अचानक पिघलते स्क्रैप में एक मिट्टी वाला पाइप डलने से फट गया और पिघला हुआ लोहा कामगारों पर गिर गया। हादसे में नालागढ़ के बसौट गांव के मुख्तयार सिंह, बिहार के शिवान की बरहरिया तहसील के कोरीगांव के रंजन, चंद्रेश्वर, शंभू, ओमप्रकाश और बिंदलेश बुरी तरह झुलस गए। सभी को नालागढ़ के निजी अस्पताल लाया गया। मुख्तयार, रंजन और चंद्रेश्वर की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीजीआई पहुंचने पर मुख्तयार और रंजन की मौत हो गई, घायलों में तीन नालागढ़ के अस्पताल और एक पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन है। मौत के बाद मुख्तयार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, पीजीआई रेफर गंभीर घायल चंद्रेश्वर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, पुलिस ने टिमको कंपनी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना नूरपुर के अधीन कंडवाल चौकी की टीम ने धर्मशाला के एक युवक की टैक्सी से 6.17 ग्राम हेरोइन बरामद की। युवक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, जिसे आज ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे पुलिस चौकी कंडवाल की टीम ने नाके के दौरान टैक्सी नंबर एचपी 01डी 4267 की शक के आधार पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने गाड़ी से 6.17 ग्राम हेरोइन बरामद की। गाड़ी में चालक सुमित कुमार निवासी गांव अप्पर दाड़ी तहसील धर्मशाला और अंदर बैठे दो अन्य युवक अरुण कुमार धौलाधार कॉलोनी झिकली बड़ोल धर्मशाला व चंद्रेश कुमार गांव लोअर बड़ोल तहसील धर्मशाला जिला कांगड़ा तीनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस थाना नूरपुर में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की पुष्टि डीएसपी नूरपुर आइपीएस अशोक रत्न ने की है।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर युवा मोर्चा मंडल सोलन द्वारा कुष्ठरोगी अस्पताल चंबाघाट में फल वितरण किए गए। यह कार्य युवा मोर्चा अध्यक्ष रोहित भारद्वाज की अध्यक्षता में पूर्ण हुआ। इस उपलक्ष्य पर पूर्व मंत्री की दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई और रोगियो द्वारा भी उनका धन्यवाद किया गया। धूमल इसी तरह से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का मार्गदर्शन करते रहे इसकी कामना भी की गई। इस उपलक्ष्य पर जिला सचिव युवा मोर्चा दिनकर कुमार, युवा मोर्चा मण्डल के महामंत्री अरुण ठाकुर, मंडल सचिव राजेंद्र शर्मा, मंडल आईटी हेड दिव्यांशु हंस, मंडल सोशल मीडिया अभिषेक गुप्ता, मंडल प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा, मंडल सचिव गौरव साहनी व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के अंतर्गत अनुभाग भराड़ीघाट के गांव चमाकडी, गानना, बेगू, गतेथ, भराड़ीघाट, मझेड, कन्दरेली, भूरजनी, थाच, नलाग में 10 अप्रैल को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। सहायक अभियंता दाड़लाघाट मनमोहन सिंह चंदेल ने बताया कि लाइन के आवश्यक रख रखाव व मुरम्मत हेतु पदोपहर 1 बजे से 6 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से असुविधा हेतु सहयोग की अपील की है।
ग्राम पंचायत घणागुघाट के अंतर्गत गांव छिब्बर मां बणिया देवी आजीविका सहायता समूह की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्रुप की प्रधान सरला देवी ने की। बैठक में कोविड-19 के पुनः बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कोविड-19 को समूल नष्ट करने हेतु अपना सहयोग देने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया। समूह की प्रधान सरला देवी ने बताया कि उनके समूह की सभी महिलाओं ने वैक्सीन का टीका लगवा लिया है। किसी भी महिला पर कोई भी विपरीत असर नहीं हुआ। गांव की कुछ महिलाएं कोविड-19 वैक्सीनेशन से डर रही है, इसलिए उन्होंने निर्णय किया कि वे गांव-गांव जाकर महिलाओं और पुरुषों को जागरूक करेंगी। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने गांव की महिलाओं और पुरुषों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि कोविड-19 को फैलने से बचाने के लिए यह बहुत जरूरी है कि हम वैक्सीन का टीका करण करवाएं और शीघ्र ही इस महामारी से देश और प्रदेश को निजात दिलाएं। बैठक में प्रधान सरला देवी, सचिव प्रेमी देवी, गीता, अनीता, उर्मिला, दयावती, कौशल्या, सत्या, लीला, मीना व ग्रुप की समस्त सदस्यों ने भाग लिया।
सोलन नगर निगम में कब्ज़ा जमाने के बाद कांग्रेस में मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए मंथन शुरू हो गया है। मेयर पद अनुसूचित जाती के लिए आरक्षित है सो जाहिर है ऐसे में पूनम ग्रोवर ही पार्टी की पहली पसंद होगी। पूनम वरिष्ठ तो है ही उन्होंने इस चुनाव में पवन गुप्ता को पटकनी दी है। जिसके बाद उनका मेयर बनना तय माना जा रहा है। वहीँ डिप्टी मेयर पद के लिए कई नाम सामने आ रहे है लेकिन सबसे अधिक चर्चा में है अभय शर्मा का नाम। इसके कई कारण है। दरअसल अभय ने वार्ड 11 में लम्बे समय बाद पार्टी को जीत दिलवाई है। ये पूर्व नगर परिषद् अध्यक्ष देवेंदर ठाकुर का गृह वार्ड है और अभय का मुकाबला उनके पुत्र अभिषेक ठाकुर से था। अभय की जीत पूनम ग्रोवर की जीत से किसी भी संदर्भ में कम नहीं है। इस जीत ने कांग्रेस को उक्त क्षेत्र विशेष में मजबूत तो किया ही है, लम्बे समय बाद अभय के रूप में पार्टी को एक दमदार युवा चेहरा भी मिला है। निसंदेह अभय इस समय कांग्रेस के राइजिंग स्टार है, अब पार्टी उन्हें डिप्टी मेयर बनाकर प्रोत्साहित करती है या नहीं, ये देखना दिलचस्प होगा। युथ अभय के साथ, 2022 में हो सकता है फायदा वार्ड 11 में मिली शानदार जीत के बाद अभय रातों रात सोलन की राजनीति में युथ स्टार बन गए है। उनकी सोच, उनकी सादगी और संवाद का तरीका उन्हें सीधे जनता से कनेक्ट करता है। ऐसे में अभय को आगे लाकर कांग्रेस 2022 के लिहाज से भी अपनी जड़े मजबूत कर सकती है। अभय भाजपा के युथ वोट में सेंध लगाने का काम भी कर सकते है। शांडिल के प्रोत्साहन से लड़ा चुनाव, शहरी कांग्रेस भी साथ अभय शर्मा को सोलन विधायक कर्नल धनीराम शांडिल का आशीर्वाद प्राप्त है। उनके प्रोत्साहित करने पर ही अभय राजनीति में आए है। इसके अलावा शहरी कांग्रेस भी अभय के साथ बताई जा रही है। जगजाहिर है कि निगम चुनाव में शहरी कांग्रेस का जलवा खूब देखने को मिला है। अब अंदर कि खबर ये है कि शहरी कांग्रेस भी अभय को आगे लाना चाहती है। बहरहाल कांग्रेस के पास युवा अभय शर्मा को बड़ी ज़िम्मेदारी देकर युथ को लुभाने का अवसर है, अब कांग्रेस क्या फैसल लेती है इसका सबको इंतज़ार रहेगा।
कुनिहार में एक शिक्षक के कोरोना पॉजीटिव आने से हड़कंप मच गया है। राहत की बात यह है कि आजकल सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार बच्चों को स्कूलों में नही बुलाया जा रहा है। ऐहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने विद्यालय में तैनात 8 शिक्षकों के कोरोना टेस्टिंग की है। जानकारी के अनुसार कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार के एक शिक्षक की तबियत थोड़ी खराब होने के कारण वह नागरिक चिकित्सालय कुनिहार में अपने स्वास्थ्य की जांच के लिए आया था। जिसके चलते डाक्टर द्वारा शिक्षक का एहतियात के तौर पर कोरोना टेस्ट किया गया। जिसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आ गई। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत स्कूल में कार्यरत 8 शिक्षकों का भी कोरोना टेस्ट कर दिया व उन्हें रिपोर्ट आने तक होम आइसोलेशन में रहने की हिदायत दी गई। इसके अतिरिक्त विद्यालय को दो दिनों तक पूर्णतय बन्द रखने व स्कूल को सेनिटाइजेशन किया जाएगा। इसी कड़ी में गांव कजियारा डाकघर गोयला जिला सोलन की एक 55 वर्षीय महिला भी कोरोना पॉजीटिव पाई गई है। जिसकी सेम्पलिंग भी कुनिहार चिकित्सालय में ही हुई है। खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की राधा शर्मा ने कहा कि कुनिहार में एक शिक्षक की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। स्कूल में कार्यरत 8 शिक्षकों का भी कोरोना टेस्ट करवाया गया है। जिन्हें रिपोर्ट आने तक होम क्वारन्टीन रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल दो दिनों तक बंद रहेगा व स्कूल को सेनिटाइजेशन करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त शिमला अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आज हिमाचल दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों बारे समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल, 2021 को ऐतिहासिक रिज मैदान में हिमाचल दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता वन, युवा सेवाएं खेल मंत्री राकेश पठानिया करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन कोविड-19 के अंतर्गत जारी हिदायतों की अनुपालना में किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को समारोह की तैयारियांे बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सहायक आयुक्त, उपायुक्त डाॅ. पूनम, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकाॅल) विनय धीमान, उपमण्डलाधिकारी शिमला शहरी मंजीत शर्मा तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सोलन जिला के कण्डाघाट उपमण्डल में शीघ्र कोरोना संक्रमण बचाव टीकाकरण महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद ने इस सम्बन्ध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। डाॅ. सूद ने कहा कि कण्डाघाट उपमण्डल में अभी तक 2611 व्यक्तियों का कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रथम चरण का टीकाकरण किया गया है। 311 व्यक्तियों को द्वितीय चरण का टीका भी लगाया जा चुका है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि अपने-अपने स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के व्यक्तियों की सूची तैयार करें ताकि टीकाकरण की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। उपमण्डलाधिकारी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि टीकाकरण महोत्सव के विषय में लोगों को जागरूक करने के लिए सूचना, शिक्षा एवं सम्प्रेषण (आई.ई.सी) गतिविधियां आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में पोस्टर, बैनर इत्यादि तैयार कर खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट को उपलब्ध करवाए जाएं। बीडीओ कण्डाघाट इन्हें ग्राम पंचायत प्रधानों के माध्यम से गांव-गावं तक पंहुचाएंगे। उन्होंने कहा कि टीकाकरण महोत्सव के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं चिर-परिचित व्यक्ति को ब्रांड एम्बेसेडर बनाया जाएगा। डाॅ.सूद ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि कोविड-19 पोजिटिव रोगियों के प्राथमिक सम्पर्कों की दूरभाष के माध्यम से जानाकरी एकत्रित करें ताकि सभी को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने होम आईसोलेट हुए कोरोना सक्रंमित रोगियों से आग्रह किया कि वह घर पर ही रहें। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और अपने हाथ-हाथ बार-बार साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से साफ करते रहें। बैठक में तहसीलदार कण्डाघाट अमन राणा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डाॅ. संगीता उप्पल, सीडीपीओ पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों व बागवानों के उत्थान व उनकी फसल उत्पादकता को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है ताकि उनकी आर्थिकी को सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने यह जानकारी हिमाचल हॉलिडे होम में ‘फूल विपणन में अवसर’ विषय पर आयोजित क्रेता-विक्रेता सदस्यों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों कोरोना काल की वजह से किसानों-बागवानों की फसलें, विशेषकर फूलों की खेती भी मार्किटिंग उपलब्ध न होने के कारण काफी प्रभावित हुई है। पॉली हाउसों में तैयार सब्जियां व फूल, कोरोना की वजह से बाजार तक नहीं पहुंच सके और पूरी तरह तबाह हो गए, जिस कारण किसानों की आर्थिकी को भी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं खुद किसान हूँ इसलिए किसानों-बागवानों की दिक्कतों को भलीभांति जानता हूँ, किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिले, इसके लिए प्रयास जारी है। भंडारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा इस वित्त वर्ष के बजट में कृषि उपज को बढ़ाने के लिए की गई अनेक घोषणाओं के साथ-साथ फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। वर्तमान में कृषि विपणन बोर्ड के अधीन 10 एपीएमसी कार्य कर रही है, जो किन्नौर व लाहौल-स्पिति के अलावा अन्य सभी 10 जिलों में संचालित है। किसानों की सुविधा के लिए कलेक्शन यार्ड भी बनाए गए है। फल व सब्जियों का ज्यादा से ज्यादा उत्पादन हो और फसल बाजार तक पहुंचें, इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में चर्चा के उपरांत फूलों को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए प्रदेश में कोल्ड स्टोर मंडियों को खोलने पर विचार किया गया और चर्चा के दौरान परवाणू व ऊना में फूलों के लिए सब्जी मंडी कोल्ड स्टोर बनाने पर सहमति बनी है, जिसे आगामी बोर्ड की बैठक में निर्णय हेतु ले जाया जाएगा। इस अवसर पर प्रबन्ध निदेशक कृषि विपणन बोर्ड नरेश ठाकुर ने बैठक में मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए जानकारी दी कि वर्तमान में 238 हैक्टेयर भूमि पर बने पाॅलि हाउसों में फूलों का उत्पादन किया जा रहा है जबकि 400 हैक्टेयर खुली जमीन पर फूलों की खेती की जा रही है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान सब्जी व फूलों की मार्किटिंग की दिक्कतों को देखते हुए 17 फरवरी व 25 मार्च को दिल्ली गाजीपुर के ट्रेडरज व बायर्स तथा उत्पादकों के साथ बैठक की गई और बैठक से निकले निष्कर्ष के आधार पर किसानों बागवानों को मार्किटिंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाई गई। बैठक के मुख्य बिंदुओं को अमलीजामा पहनाने के लिए कार्य जारी है। बैठक में दिल्ली से आये फ्लावर मार्किटिंग के ट्रेडरज व बायर्स, प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये किसानों-बागवानों व फूल उत्पादकों, कृषि व उद्यान विभागधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी ने महत्वपूर्ण मुद्दों सहित फूलों के रख-रखाव के लिए कोल्ड स्टोर बनाने के लिए स्थल चयन सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने-अपने सुझाव दिए।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सेंट बीडस महाविद्यालय शिमला द्वारा प्रकाशित 12 वर्ष पुरानी पत्रिकाओं का नया संस्करण-जर्नल ऑफ रिसर्च द बीड ऐथेनियम राजभवन में जारी किया। यह सेंट बीडस शिक्षा समिति शिमला का ऑफिशियल प्रकाशन है। पत्रिका के सम्पादकीय और सलाहकार बोर्ड के सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि शोध पत्र और पत्रिका के विभिन्न विषय ज्ञानवर्धक होने के साथ सूचना के मुख्य स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह विषय पाठकों के साथ-साथ शोधकर्ताओं के लिए भी लाभदायक साबित होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि संपादकीय बोर्ड का प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने पत्रिका में विद्यार्थियों के लेख भी शामिल करने की सलाह दी। इस बहु-विषयक पत्रिका में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ताओं के सैद्धांतिक शोध-आधारित योगदान को प्रकाशित किया गया है। इसमें विद्धानों को ज्ञान और विचारों को सांझा करने और भाषाओं, कलाओं, सामाजिक विज्ञान के साथ-साथ लागू किए गए वर्तमान मुद्दों पर चर्चा करने के लिए भी एक मंच प्रदान किया गया है। इस अवसर पर सेंट बीडस महाविद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य और पत्रिका की प्रधान संपादक सुश्री नंदिनी पठानिया ने पत्रिका के बारे में जानकारी दी और कहा कि जर्नल के सभी शोध लेखों की तीन अलग-अलग निर्णायकों द्वारा समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि सभी विषयों के शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं से लेख आमंत्रित किए गए थे। पत्रिका की प्रबंध संपादक और भौतिकी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. सपना शर्मा ने पत्रिका जारी करने के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पत्रिका के संपादकीय बोर्ड के सदस्य भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज शिमला से वर्चुअल माध्यम से स्वर्णिम हिमाचल पर प्रदर्शनी का उद्घाटन कर चलो चम्बा अभियान-2021 का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने चलो चम्बा का लोगो व चलो चम्बा मोबाइल ऐप को भी जारी किया। उन्होंने चलो चम्बा अभियान को बढ़ावा देने के लिए सड़क संकेतक (साइनेजिज) भी जारी किए। यह समारोह प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्ष के अवसर पर आयोजित राज्यत्व दिवस समारोह-स्वर्णिम हिमाचल का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने शिमला से इस आयोजन को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि इस समारोह का हिस्सा बनना प्रसन्नता की बात है, लेकिन कोविड-19 ने राज्य को इस कार्यक्रम को वर्चुअली आयोजित करने के लिए विवश कर दिया है। उन्होंने कहा कि चम्बा जिला में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं और यह प्रदेश का सबसे खूबसूरत जिला है। उन्होंनेे कहा कि यहां की संस्कृति और परम्पराएं समृद्ध हैं। यह कार्यक्रम तीन सी यानी क्राफ्ट (शिल्प), कल्चर (संस्कृति) और कुजिनज (व्यंजन) पर आधारित है। चंबा के पारम्परिक व बेमिसाल हस्तशिल्प उत्पादों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह जिला अपने अद्वितीय व्यंजनों, सांस्कृतिक विविधता और हस्तकला के लिए भी जाना जाता है। जिले को अपार जल विद्युत क्षमता के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि जिले में छोटी-बड़ी अनेक जल विद्युत परियोजनाओं का निष्पादन किया जा रहा है। इससे जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर प्रदान करने में सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चंबा ने दो योग्य नेताओं, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तुलसी राम और पूर्व राज्य मंत्री मोहन लाल को खोया है। इन दोनों नेताओं ने चंबा जिला के विकास और प्रगति में अहम भूमिका निभाई है। चलो चंबा अभियान का उदेश्य इस जिला में पर्यटन संबंधी विभिन्न गतिविधियों का विस्तार कर यहां के स्थानीय लोगों को उनके घर द्वार पर स्वरोजगार के अवसर सृजित करना है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष में इस पहल के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। इससे चंबा जिले में आर्थिक आत्मनिर्भरता के एक नए अध्याय की शुरूआत होगी और यह जिले के पर्यटन परिदृश्य को नए आयाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। इस अभियान से जिला में साहसिक और प्राकृतिक पर्यटन के नए मार्ग खुलेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि चंबा जिला का चहंुमुखी विकास सुनिश्चित करने केे लिए जिला को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जिला योजना में शामिल किया गया है। इन सभी प्रयासों से जिले को गरीबी और पिछड़ेपन से मुक्त करने के लिए नई दिशा मिलेगी। ब्राउन बीयर मोटर स्पोर्ट्स रैली में देसी व विदेशी पर्यटकों को शामिल करने से भरमौर के जनजातीय क्षेत्र कुगती वन्यजीव क्षेत्र में भूरे भालू के संरक्षण के लिए मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भूरी सिंह विद्युत परियोजना का जीर्णोद्धार किया जाएगा और इससे पनबिजली संग्रहालय में विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अखंड चंडी महल को धरोहर केंद्र तथा रंगमहल चंबा को कला एवं शिल्प केंद्र में विकसित किया जाएगा। इसके उपरांत, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से चंबा में रैली को हरी झंडी दिखाई। स्थानीय विधायक पवन नैयर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनसे जिला में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने चंबा जिले के विकास में विशेष रूचि दिखाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला में करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं।उपायुक्त चंबा डी.सी. राणा ने मुख्यमंत्री को चलो चंबा अभियान व चंबा की रैली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अपनी तरह की एक माउंटेन रैली है, जो फेडरेशन फाॅर मोटर स्पोर्टस क्लबज इन इंडिया के तहत आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के 15 राज्यों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें देश के उच्च दर्जे के 10 राइडर्ज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में मोटर कार रेस में 35 प्रतिभागी और मोटर बाईक में 53 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री डाॅ.राजीव सैजल, अतिरिक्त मुख्य सचिव जे.सी. शर्मा व मुख्यमंत्री के सलाहकार डाॅ.आर.एन.बत्ता इस अवसर पर शिमला से उपस्थित थे, जबकि राज्य अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति विकास निगम के उपाध्यक्ष जय सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्षा नीलम और नगर परिषद चंबा की अध्यक्षा नीलम नैयर चंबा से उपस्थित थे।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा सोलन के विभिन्न क्षेत्रों से जांच के लिए भेजे गए पेयजल के सभी 41 सैम्पल की रिपोर्ट ठीक पाई गई है। यह जानकारी आज यहां जिला सोलन के खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त एल.डी. ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि जांच में साॅस के 39, जूस के 30 तथा पनीर के 13 सैम्पल की रिपोर्ट भी ठीक पाई गई है। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल के 21 में से 07 सैम्पल मानकों पर खरे उतरे हैं। एल.डी. ठाकुर ने कहा कि जिला बिलासपुर के घागस एवं घुमारवीं में खाद्य सुरक्षा के नियमों के बारे में दुकानदारों एवं उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए 02 जागरूकता शिविर भी आयोजित किए गए। इन शिविरों में 55 दुकानदारों एवं उपभोक्ताओं को खाद्य सुरक्षा सम्बन्धी जानकारी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में कोविड-19 स्थिति की समीक्षा की गई। राज्य में कोविड-19 मामलों में तीव्र वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्रिमंडल ने इस महीने की 21 तारीख तक सभी शिक्षण संस्थानों को शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों सहित बंद करने का निर्णय लिया, केवल उन कर्मियों को छोड़कर जिनकी परीक्षा डयूटी होगी। मंत्रिमण्डल ने सीधी भर्ती कोटा के माध्यम से अनुबंध के आधार पर वन विभाग में फाॅरेस्ट गार्ड के 311 पदों को भरने का भी निर्णय लिया। इनमें इस वर्ष की 9 मार्च को आयोजित बैठक के दौरान राज्य मंत्रिमंडल द्वारा फाॅरेस्ट गार्ड के पहले से स्वीकृत 113 पद भी शामिल हैं। उन्होंने सीधी भर्ती के आधार पर हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से कृषि विभाग में अनुबंध के आधार पर कृषि विकास अधिकारियों के 25 पद भरने का निर्णय लिया। बैठक में ड्रोन तकनीक का उपयोग कर ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि पार्सल के सर्वेक्षण के लिए राज्य में केंद्रीय योजना स्वामित्व को लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए, पंचायती राज विभाग के सहयोग से योजना के कार्यान्वयन के लिए राजस्व विभाग को नोडल विभाग के रूप में नामित किया जाएगा। इस योजना को राज्य में शुरू करने के लिए भारतीय सर्वेक्षण के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए एक राज्य संचालन समिति, राज्य परियोजना प्रबंधन इकाई और जिला परियोजना निगरानी इकाई का भी गठन किया जाएगा। मंत्रिमण्डल ने उपायुक्त कार्यालय शिमला, किन्नौर, सोलन और बंदोबस्त अधिकारी कांगड़ा मण्डल कार्यालय में पांच प्रतिशत कोटा में रियायत प्रदान कर तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के उपलब्ध रिक्त पदों पर मृतक कर्मचारियों के पात्र आश्रितों को करूणामूलक आधार पर रोजगार प्रदान करने का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने यू-ब्लाॅक मण्डी के बहुमंजिला पार्किंग-एवं-शाॅपिंग काम्प्लेक्स के विकास की परियोजना को पीपीपी मोड के तहत सबसे ऊंची बोली लगाने वाले बोलीदाता को आरएफपी के नियम व शर्तों के अनुसार 63 लाख 63 हजार रुपये वार्षिक रियायत फीस एवं जीएसटी और अन्य सभी लागू वार्षिक करों के आधार पर प्रदान करने का निर्णय लिया। चयनित बोलीदाता को प्राधिकरण को दो करोड़ रुपये का अग्रिम भुगतान अदा करना होगा। यह भुगतान अनुपालना तिथि से आरम्भ होकर 24 माह की अवधि में 40-40 लाख रुपये की पांच समान किस्तों में अदा करना होगा। मंत्रिमंडल ने नव गठित नगर पंचायतों शाहपुर, चिड़गांव, नेरवा, निरमंड, आनी, कंडाघाट तथा अंब में विभिन्न श्रेणियों के पांच पद सृजित करने को स्वीकृति स्वीकृति प्रदान की ताकि इन नव गठित नगर पंचायतों में कार्य सुचारू रूप से चलाया जा सके। बैठक में जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुंडियां को 50 बिस्तरों की क्षमता वाले नागरिक अस्पताल के रूप में स्तरोन्नत करने को स्वीकृति प्रदान की गई ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। इसके अलावा, जिला कांगड़ा के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगथ को 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। जिला कांगड़ा के कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तियारा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्तरोन्नत करने के साथ विभिन्न श्रेणियों के 13 नए पद सृजित कर उन्हें भरने को भी स्वीकृति प्रदान की। बैठक में चंबा जिला के भटियात विधानसभा क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समोट को 50 बिस्तरों की क्षमता वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्तरोन्नत करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल के समक्ष जल शक्ति विभाग द्वारा राज्य में उत्पन्न सूखे की स्थिति के बारे में भी प्रस्तुति दी गई। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सभी हितधारक विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया ताकि इस संबंध में आगामी निर्णय लिया जा सके। मंत्रिमंडल ने यह भी निर्णय लिया कि आगामी जनमंच 25 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
ग्राम पंचायत रौडी में जल मिशन के अंतर्गत जल की शुद्धता तथा गुणवत्ता जांचने के लिए जागरूकता शिविर एवं साफ सफाई का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पंचायत उपप्रधान व ग्रामीण पेयजल स्वच्छता समिति के अध्यक्ष जीतराम बिट्टू ने की। इस जागरूकता शिविर व साफ सफाई अभियान में वीडब्ल्यूएससी के सदस्यों व स्थानीय ग्रामीणों को जलीय गुणवत्ता के बारे जागरूक किया। उपप्रधान जीतराम बिट्टू, पंचायत सदस्य व वीडब्ल्यूएससी के कोषाध्यक्ष मदन शर्मा, हरदेव शर्मा ने एक टेस्टिंग किट के माध्यम से लोगों को जल की गुणवत्ता जांचने का प्रशिक्षण करवाया व साफ सफाई की। उपप्रधान जीतराम बिट्ट ने बताया कि गर्मी का मौसम आ रहा है, अतः इस मौसम में पीने के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों का ठंडा जल सभी ग्रामीण प्रयोग करते हैं। ग्रामीणों की इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए बावड़ी के जल की गुणवत्ता का परीक्षण भी करवाया गया। जिसमें उस जल की गुणवत्ता 8.5 सामान्य पाई गई। सभी ग्रामीणों ने बावड़ी में जमा हुए कचरे को बाहर निकाला बावड़ी की अच्छी प्रकार से साफ सफाई की और उसमें ब्लीचिंग पाउडर भी मिलाया गया। इस दौरान कार्यक्रम प्रबंधक एसीएफ भूपेंद्र गांधी ने आश्वासन दिया कि पानी की बावड़ी के मुरम्मत और रखरखाव के जो भी कार्य होगा वो उसे करने का आश्वासन स्थानीय लोगों को दिया गया। इस मौके पर रौड़ी पंचायत के उपप्रधान जीतराम बिट्टू, वार्ड सदस्य व वीडब्ल्यूएससी के कोषाध्यक्ष मदन शर्मा, हरदेव शर्मा, नानक बसेरा स्वयं सहायता समूह के प्रधान पूजा शर्मा, कमला शर्मा, कमलेश शर्मा, कुंता शर्मा, सुनीता शर्मा, नीलम शर्मा, शकुंतला देवी, मीनाक्षी रानी, कृष्ण चंद, विनोद, देवी चंद, हेमंत, रवि, कमल, अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबंधक भूपेंद्र गांधी, एचके शर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
बिजली विभाग द्वारा निजी भूमि के पेड़ों को काटने को लेकर ग्राम पंचायत बरायली के गांव धमोग, निवासी कली राम पुत्र स्व.वैशाखी राम ने उपमंडलाधिकारी अर्की, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट, वन विभाग दाड़लाघाट व थाना प्रभारी दाड़लाघाट को एक शिकायत पत्र सौंपा। कली राम ने अपनी शिकायत में कहा कि 05 अप्रैल 2021 को बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा 3 फेस की लाईन बिछाते हुए उनकी निजी भूमि पर लगाए हुए कम से कम 11 पेड़, जो पिछले 25 साल से सहेजे हुए थे, विभागीय कर्मचारियों ने बुरी तरह से काट कर गिरा दिए। उन्होंने कहा कि कुछ पेड़ तो समूल ही काट दिए है, ये सारे पेड़ बहुत कीमती थे। कली राम ने कहा है कि हम एक गरीब किसान परिवार से संबंध रखते हैं और हम अपनी जमीन, पशु व पेड़ों के सहारे ही अपना गुज़ारा करते हैं। लेकिन कर्मचारियों ने सहमति के बिना ही 11 पेड़ काट कर हमारे पेट पर लात मारी है। उन्होंने कहा कि इन 11 पेड़ों की कीमत लगभग 2 से 3 लाख रूपये होगी। बिजली विभाग के कर्मचारियों उन्हें ना तो कोई सूचना दी और ना मौके पर बुलाया गया। कली राम ने प्रशासन से आग्रह किया है कि हमारे नुकसान की भरपाई करवाई जाए और उन्हें न्याय दिलवाया जाए। जब इस बारे में सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट मनमोहन सिंह चंदेल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वहां पर लोगों की मांग पर लाइन लगाई जा रही थी और इस लाइन को लगाने से पहले इनसे बात की गई थी। अगर यह नुकसान के बारे में बोल रहे हैं तो ये लोग नुकसान बारे पंचायत प्रधान से बात करें।
जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय मंडी में स्थित राजकीय होम्योपैथिक स्वास्थ्य केन्द्र में अब हर वीरवार को एलर्जी क्लीनिक सजेगा। भारत सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन के अन्तर्गत चलने वाले इस साप्ताहिक एलर्जी क्लीनिक में सभी प्रकार की एलर्जी के मरीजों को दवाईयों के साथ-साथ एलर्जी से बचने के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने इस साप्ताहिक एलर्जी क्लीनिक का शुभारम्भ करते हुए विभाग द्वारा तैयार पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर उप-निदेशक आयुष जोन डॉ. तेजस्वी विजय आजाद, वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ.आशुतोष भारद्वाज, डॉ.देशराज बनयाल, डॉ.हितेश शर्मा, डॉ.यशवन्त ठाकुर, महेन्द्र पाल शर्मा एवं धर्मसिंह उपस्थित थे। इस पत्रिका में एलर्जी के कारण, लक्षण एवं बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई है। बता दें कि होम्योपैथी के जनक डॉ.हनिमैन के जन्म दिवस 10 अप्रैल को विश्व होम्योपैथी दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में राज्य आयुष विभाग ने राजकीय होम्योपैथिक स्वास्थ्य केन्द्र मंडी में सप्ताहिक एलर्जी क्लीनिक की शुरूआत की है। इस अवसर पर ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि आजकल प्रदूषण एवं जीवनशैली में बदलाव के कारण एलर्जी विशेषकर श्वस्नतंत्र, गला, फेफड़ों तथा त्वचा आदि में काफी ज़्यादा बढ़ रही है। इन बीमारियों में होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति बहुत ही कारगर है और मरीजों को इस सुविधा का फायदा उठाना चाहिए। उन्होंने राजकीय होम्योपैथिक स्वास्थ्य केन्द्र में हर वीरवार मिलने वाली एलर्जी क्लीनिक की सुविधा का लाभ उठाने के लिए लोगों का आह्वान किया। उपायुक्त ने विश्व होम्योपैथी दिवस पर सभी होम्योपैथी चिकित्सकों को अपनी शुभकामनाएं भी दीं। उप-निदेशक आयुष मण्डी जोन डा. तेजस्वी विजय आजाद ने इस परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के अन्तर्गत स्वीकृत इस परियोजना के प्रथम चरण में सभी मरीजों को पंजीकृत करने के पश्चात् उनका रिकॅार्ड स्वास्थ्य केन्द्र में ही रखा जाएगा। इस कार्य के लिए एक 9 पृष्ठ की रोगी रिकार्ड पुस्तिका बनाई गई है, जिसमें उनकी समस्या की विस्तृत जानकारी रखी जाएगी तथा फोलोअप के लिए आने पर भी सुविधा रहेगी। मरीजों को पंजीकरण संख्या के साथ एक कार्ड दिया जाएगा। वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ.आशुतोष भारद्वाज ने बताया कि होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति में दवाईयां मरीज के प्रतिरोधात्मक तन्त्र को संतुलित एवं नियमित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रेरित करती हैं जिससे मरीज धीरे-धीरे एलर्जा के प्रति सामान्य प्रतिक्रिया देने लगता है। होम्योपैथिक दवाएं सभी प्रकार की एलर्जीविशेषकर एलर्जिक राईनाईटिस, पोलन एलर्जी, एलर्जिक ब्रौंकाइटिस, त्वचा से संबन्धित एलर्जी जैसे अर्टिकेरिया, धूप से एलर्जी, संपर्क से एलर्जी, मौसमी एलर्जी, तथा खाद्य पदार्थों से होने वाली एलर्जी में फायदेमंद होती है। इन दवाइयों के कोई दुष्प्रभाव भी नहीं होते।
राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल को मंडी जिला के पधर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता मरीन आयोजित होगा। जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी मुख्यमंत्री के साथ समारोह में उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी मंडी में हिमाचल दिवस के संबंध में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने भी समारोह के सफल आयोजन को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री 15 अप्रैल को नेताजी सुभाष चंद्र मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पधर के मैदान में सुबह 11 बजे ध्वजारोहण करेंगे व पुलिस, होमगार्ड की टुकडि़यों के मार्चपास्ट की सलामी लेने के उपरांत प्रदेशवासियों को अपना संदेश देंगे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समय रहते सभी इंतजाम करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिलादंडाधिकारी श्रवण मांटा और सहायक आयुक्त संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि समारोह में कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाएगा। समारोह स्थल पर जिला रैडक्रॉस सोसायटी के सर्व स्वयंसेवी मैाजूद रहेंगे। जो लोगों को सही तरीके से मास्क पहनने को लेकर जागरूक करने के साथ ही उचित सोशल दूरी सुनिश्चित बनाने की व्यवस्था भी देखेंगे। समारोह स्थल के प्रवेश द्वार पर थर्मल स्कैनर रहेगा। समारोह स्थल पर जगह जगह सेनिटाइजर की भी पर्याप्त व्यवस्था रहेगी।
हिमाचल शिक्षा बोर्ड का फैसला, वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं में कोरोना पॉजिटिव विद्यार्थी नहीं होंगे शामिल
हिमाचल में लगातार बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव मामलों को देखते हुए प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने ये फैसला लिया है कि 13 अप्रैल से प्रस्तावित 10वीं और 12वीं की नियमित व एसओएस के विद्यार्थियों की वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं में कोरोना पॉजिटिव विद्यार्थी शामिल नहीं होंगे। बोर्ड प्रबंधन संक्रमित विद्यार्थियों की परीक्षाएं एक माह बाद लेगा। यह फैसला बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बैठक में लिया गया। सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि शिक्षा बोर्ड सभी स्कूलों से कोरोना संक्रमित विद्यार्थियों का डाटा पता करने में जुट गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जहां स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव अक्षय सूद शामिल हुए, वहीं सूबे के सभी जिलों के शिक्षा उपनिदेशक भी मौजूद रहे। सर्दी, खांसी और जुकाम से पीड़ित विद्यार्थियों की परीक्षा केंद्र के अलग कमरे में होगीं। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। इस दौरान उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी।
नगर निगम सोलन के चुनाव में भाजपा द्वारा अपनी तमाम ताकत झोंक दिए जाने के बावजूद जिस तरह कांग्रेस ने धमाकेदार जीत अर्जित की है, उससे राजनीतिक पर्यवेक्षक भी सुजानपुर के विधायक व सोलन चुनाव के प्रभारी राजेंद्र राणा की सियासी मैनेजमेंट व उनके द्वारा रचे गए चक्रव्यूह के कायल हो गए हैं। राजेंद्र राणा को कांग्रेस नेतृत्व द्वारा सोलन नगर निगम के चुनाव की कमान सौंपी गई थी और जिस तरह राणा ने सोलन में डेरा डालकर तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एकजुट करके भाजपा के खिलाफ व्यूह रचना रची, उसकी काट भाजपा नहीं ढूंढ पाई। खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इन चुनावों के दौरान लगातार सोलन के तीन दौरे किए और राजनीतिक मैनेजमेंट में माहिर माने जाने वाले अपने दिग्गज नेता राजीव बिंदल को फ्री हैंड देकर यहां के दंगल को जीतने की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन कांग्रेस के चुनाव प्रभारी राजेंद्र राणा व स्थानीय कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल की जुगलबंदी ने भाजपा को दिन में तारे दिखा दिए। इस चुनाव में कर्नल धनीराम शांडिल्य की साख व राजेंद्र राणा की मैनेजमेंट स्किल दांव पर लगी थी। भाजपा सोलन नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने के दावे कर रही थी। लेकिन राजेंद्र राणा ने जो चक्रव्यूह रचा और जिस तरह सोलन से जुड़े जमीनी मुद्दों को उठाकर भाजपा को आक्रामक तरीके से घेरना शुरू किया, उससे न केवल कांग्रेसी वर्करों का हौसला बढ़ा बल्कि मतदाताओं में भी उन मुद्दों का खासा असर दिखा। भाजपा ने सोलन के पूर्व विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल के चुनावी प्रबंधन के सहारे सोलन में धमाकेदार जीत अर्जित करने का ख्वाब संजोया था। लेकिन राजेंद्र राणा की मैनेजमेंट के आगे न केवल बिंदल बुरी तरह चित हो गए बल्कि उनके सबसे करीबी व खासमखास माने जाने वाले बाघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता चुनाव हार गए। सोलन में कांग्रेस की जीत को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोग मजेदार टिप्पणियां दर्ज कर रहे हैं। कई लोगों ने यह कहकर चुटकी ली है कि सुजानपुर में राजेंद्र राणा ने पहले अपने गुरु पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को उनके घर में शिकस्त देकर उनके मुख्यमंत्री बनने का ख्वाब चूर कर दिया और अब सोलन में पूर्व मुख्यमंत्री के चेले और भाजपा के दिग्गज मैनेजमेंट गुरु माने जाने वाले राजीव बिंदल को भी उन्हीं के घर में धूल चटा दी है। निश्चित रूप से कांग्रेस की इस जीत से कांग्रेस आलाकमान में सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा का सियासी कद बढ़ गया है।
कोविड-19 बचाव टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत जिला सोलन के 46 विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 2577 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार वर्तमान में सोलन जिला में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण कार्यक्रम कार्यान्वित किया जा रहा है। स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापित मानक प्रक्रिया के अनुसार निर्धारित आयु वर्ग में टीकाकरण सुनिश्चित बनाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत आज जिला में 51 स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण किया गया है। 22 स्वास्थ्य कर्मियों, 30 फ्रंटलाईन कर्मियों को टीका लगाया गया। जिला में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 1706 तथा 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 819 व्यक्तियों का भी टीकाकरण किया गया। कोविड-19 के प्रभावी प्रबन्धन के दृष्टिगत जिला में कोरोना वायरस संक्रमण के अधिक से अधिक परीक्षण करने पर भी बल दिया जा रहा है। लोगों की सुविधा के लिए जिला में आरटीपीसीआर परीक्षण अब ठोडो मैदान
ग्राम पंचायत रौड़ी में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल स्रोतों की साफ सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत गांव बागा की पुरातन व ऐतिहासिक बावड़ी की सफाई प्रधान रीना शर्मा तथा उपप्रधान जीत राम बिट्टू की देख देख में की गई। उप प्रधान जीतराम बिट्ट ने बताया कि गर्मी का मौसम आ रहा है अतः इस मौसम में पीने के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों का ठंडा जल सभी ग्रामीण प्रयोग करते हैं। ग्रामीणों की इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए बावड़ी के जल की गुणवत्ता का परीक्षण भी करवाया गया जिसमें उस जल की गुणवत्ता 8.0 सामान्य पाई गई। सभी ग्रामीणों ने बावड़ी में जमा हुए कचरे को बाहर निकाला बॉडी की अच्छी प्रकार से साफ सफाई की और उसमें दवाई भी डाली ,उन्होंने बताया कि उनका जल जीवन मिशन के अंतर्गत इस पंचायत में आने वाली सभी प्राकृतिक जल स्रोत वाली बावड़ियों को इसी प्रकार साफ सफाई करने का कार्यक्रम है। जिससे इन जल स्रोतों के रखरखाव में भी सहायता मिलेगी और लोग गर्मियों में जल स्रोतों के मृदुल तथा शीतल जल का आनंद ले सकेंगे। इस कार्यक्रम में महिला मंडल प्रधान मीना देवी और पंचायत वार्ड सदस्य हरदेव, मदन शर्मा ,वीना देवी ,आशा वर्कर मीरा देवी ,यशोदा देवी ,शकुंतला देवी ,मंजू,लीला ,मीरा ,शीला ,रजनी ,अनीता ,प्रेमलता सहित समस्त महिला मंडल के सदस्यों ने अपना सहयोग दिया।
जिला कुल्लू में ड्रग्स तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कल रात पुलिस ने एक वोल्वो बस में सफर कर रहे टूरिस्ट युवक से 6.58 किलो चरस की खेप बरामद की है। कुल्लू पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार कल रात पुलिस की एक टीम ने बजौरा नाके में मनाली की तरफ से आ रही एक वोल्वो बस को शक के आधार पर तलाशी के लिए रोका था। बस में बैठा एक टूरिस्ट युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने बैग की तलाशी ली जिसमे उन्हें छह किलो 528 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी खुशविंद को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ जारी कर दी गई है। जानकारी के अनुसार आरोपी जिला बांदा उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। इस मामले में एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि युवक ने चरस कहाँ से बरामद इसकी जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि चरस तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिन्द की चादर श्री गुरू तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के आयोजन के लिए वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला से भाग लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार इस यादगार अवसर को शानदार तरीके से मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, राज्यसभा के उपाध्यक्ष हरिवंश नारायण सिंह, शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सुखदेव सिंह ढींढसा और अन्य ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। रक्षा मंत्री राज नाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडे़कर और अन्य नेताओं ने भी बैठक में भाग लिया।
आज नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधिमंडल महासंघ के महासचिव भरत शर्मा की अध्यक्षता में प्रदेश के महामहिम राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर मिला । राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने महासंघ को आश्वस्त किया कि वह जल्द इस विषय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात करेंगे । इस प्रतिनिधिमंडल में संविधान पर्यवेक्षक श्याम लाल गौतम, उपाध्यक्ष नित्यानंद सदाट, जिला शिमला के महासचिव नारायण हिमराल तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय ठाकुर इत्यादि उपस्थित रहे ।
कुनिहार में एक बाइक चालक की ट्रक से टक्कर होने से मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे बाइक चालक कुनिहार से अर्की मार्ग पर जा रहा था। इस दौरान कुनिहार पुराने बस स्टैंड से 200 मीटर की दूरी पर कूफटू मार्ग की ओर जा रहे एक ट्रक के साथ बाइक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार प्रदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई व बाइक में सवार एक लड़की भी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे शिमला रैफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दे दी। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रमेश शर्मा ने कहा कि कुनिहार अर्की मार्ग में एक बाइक सवार की ट्रक के साथ टक्कर हो जाने से मौके पर ही मृत्यु हो गई व बाइक में सवार एक लड़की भी गंभीर रूप से घायल है। घायल लड़की को शिमला रैफर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सोलन की एक महिला डॉक्टर में यूके का नया स्ट्रेन पाया गया है, जो पिछले वायरस से 70 फीसदी ज़्यादा संक्रामक है। ये स्ट्रेन दिल और फेफड़ों को पूरी तरह से प्रभावित करता है। प्रदेश सरकार ने नए कोरोना स्ट्रेन को लेकर सभी जिलों को अलर्ट किया और सभी सीएमओ को सावधानी बरतने के निर्देश दिए। इसके अलावा सोलन की महिला डॉक्टर के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेने के निर्देश भी दिए गए। इस विषय पर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हमें और सावधानी बरतने की जरूरत है। सोलन जिले में सबसे ज़्यादा कोरोना के मामले सामने आए हैं, एक्टिव केस 673 पहुंच गए हैं। लगातार मामले बढ़ने से स्वाथ्य विभाग और सरकार की चिंता बढ़ गई है। जिस तरह चुनावों में लोगों की भीड़ उमड़ी है, उससे 15 अप्रैल के बाद मामले और ज्यादा बढ़ने की आशंका है।
कोरोना की दूसरी लहर से देश प्रदेश में मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हालांकि बीते दिन कोविड रिव्यु बैठक में कुछ बंदिशें और लगाई गई है। कोविड के मध्यनजर 9 अप्रैल को जयराम मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गई है। जिसमें सरकार कुछ और बंदिशें लगा सकती है। इससे पहले 8 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी कोविड की स्थिति पर सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से विडिओकांफ्रेंसिंग से बातचीत करेंगे। इसमें कोरोना की वास्तविक स्थिति के बारे में चर्चा होगी। इसके बाद सरकार की ओर से क्या-क्या बंदिशें लगाई जानी हैं इसको लेकर कैबिनेट की बैठक में चर्चा होगी। हिमाचल सरकार के स्वास्थ्य सचिव इस बारे में कैबिनेट में प्रस्तुति दें सकते हैं। पड़ोसी राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों के बावजूद सैलानियों का प्रदेश में आना जारी है। ऐसे में बाहरी राज्यों के कोरोना हाईलोड सिटी से हिमाचल आने वाले लोगों के लिए कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट किया जाना अनिवार्य किया जा सकता है। इसके अलावा कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार कई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है।
हिमाचल प्रदेश में शहरी निकायों के वार्ड सदस्यों और पंचायत प्रधानों के चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। चार नगर निगमों, छह नगर पंचायतों सहित 128 पंचायतों को देर शाम जनप्रतिनिधि मिलेंगे। सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है और शाम चार बजे तक मतदान होगा। प्रोटोकॉल के तहत शाम 4 से 5 बजे तक कोरोना संक्रमित वोट डाल सकेंगे। मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती की जाएगी और इसके तुरंत बाद नतीजे घोषित होंगे। मतदान से एक दिन पहले यानी मंगलवार को सैनिटाइजेशन किया जा चुका है ताकि कोरोना संक्रमण से बचा जा सके। चार नगर निगमों के 64, नगर पंचायतों में 44 वार्ड सदस्य चुने जाने हैं। नगर निगम चुनाव में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से मतदान हो रहा है जबकि छह नगर पंचायतों और पंचायत प्रधानों के चुनाव में मतपत्रों का इस्तेमाल हो रहा है। कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला और भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना के नेतृत्व में पहला चुनाव है। इन दोनोें नेताओं के साथ साथ भाजपा व् कांग्रेस के कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।
मंगलवार को विश्राम गृह फतेहपुर में प्रेस क्लब फतेहपुर टीम कि संयुक्त बैठक हुई। इस दौरान एसडीएम अंकुश शर्मा ने मीडिया से उपमंडल की भौगोलिक परिस्थियों कि जानकारी हासिल करते हुए मीडिया से सहयोग की अपील भी की। साथ ही कहा कि प्रशासन व मीडिया में बेहतर संवाद होने के कारण कई समस्याओं का निपटारा किसी परेशानी के बिना हो सकता है, हम सब को पहले इंसानियत के तौर पर एक दूसरे का सहयोग करना चाहिए ताकि जनता को इसका पूरा फायदा मिल सके । वहीं जनता तक सरकार व प्रशासन द्वारा चलाई योजनाएं समय रहते पहुंचे इसके लिये मिडिया का बहुत बड़ा योगदान रहता है । वहीं मीडिया के सज्जनों ने भी प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया । साथ ही कहा प्रशासन को भी चाहिए कि प्रताड़ित व पीड़ित को समय रहते न्याय दिलवाये ताकि समाज में एक अच्छा सन्देश जा सके । इस मौके पर क्लब चेयरमैन सिकन्दर मंगलोत्र , प्रधान जमात अली , उपप्रधान अनिल शर्मा, मनमोहन चंबियाल ,बलबिंद्र चंबियाल, बिजय समियाल , रबिन्द्र मैहरा, बलजीत ठाकुर, अमन पठानिया चरणजीत बैद, अजय सिंह ,अनिल ठाकुर, कृष्ण शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे ।
प्रदेश सरकार ने खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के तहत सस्ते राशन की बेहतर आपूर्ति, निगरानी के लिए राज्यस्तरीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति का गठन खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में किया गया है। इसमें 10 सदस्य बनाए गए हैं। इनमें निदेशक परिवहन विभाग, उपायुक्त सिरमौर, ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर व बिलासपुर, कार्यकारी निदेशक भारतीय खाद्य निगम, महाप्रबंधक भारतीय खाद्य निगम, क्षेत्रीय कार्यालय निदेशक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और प्रबंध निदेशक खाद्य आपूर्ति निगम शामिल हैं। यह समिति भारतीय खाद्य निगम और प्रदेश खाद्य आपूर्ति विभाग व निगम में तालमेल स्थापित करने के साथ सस्ते राशन के परिवहन और ई-टेंडङ्क्षरग की निगरानी करेगी। इसका गठन केंद्रीय उपभोक्ता व खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के निर्देश के तहत किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में शिक्षा विभाग ने स्कूलों में दाखिला लेने की प्रक्रिया शुरु कर दी है। इसके साथ-साथ समग्र शिक्षा अभियान राज्य परियोजना कार्यालय ने विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई शुरु कर दी है। योजना के अनुसार पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए नया सिलेबस शुरु करने से पहले अगले एक महीने तक पुरानी कक्षा की बेसिक पढ़ाई को दोहराया जाएगा। रिवीज़न करवाने के लिए रिर्सोस ग्रुप ने व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो और वर्कशीट भेजने का काम सोमवार से शुरु कर दिया है। वहीं, पांच अप्रैल को राज्य परियोजना कार्यालय ने शिक्षकों को कंटेंट भेजना भी शुरु कर दिया है। सोमवार को पहली से आठवीं कक्षा तक शिक्षकों के मोबाइल फोन पर शिक्षण सामग्री भेजी गई है, जिसे शिक्षकों ने पुराने व्हाट्सएप ग्रुपों में अपलोड किया। ऑनलाइन वीडियो चैट के माध्यम से विद्यार्थियों को पुरानी कक्षा की बेसिक पढ़ाई करवाई जाएगी। एसएसए के स्टेट रिसोर्स ग्रुप द्वारा कंटेंट तैयार किया गया है। स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र को शुरू करने की तारीख तय नहीं हुई है और कोरोना संक्रमण के चलते 15 अप्रैल तक विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रखे गए हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को समय की बचत के लिए पांच अप्रैल से ही रिवीज़न करवाने का काम शुरु कर दिया है।
पुलिस थाना नगरोटा बगवां के तहत टैक्सी चालक का शव उसकी टैक्सी में अधजली हालत में बरामद हुआ, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्तिथि का जायजा लिया , वहीं जाँच -पड़ताल के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। युवक की पहचान 27 वर्षीय पंकज चौधरी टीकावणी का रहने वाला अविवाहित था। मिली जानकारी अनुसार युवक अपनी टैक्सी में सवारी लेकर गया था। झियोल रोड पर उसकी कार सुबह लोगों ने देखी और पुलिस को सूचित किया। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हत्या मान कर चली है। थाना प्रभारी नगरोटा बगवां श्याम लाल शर्मा ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है वहीं फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुँच कर सबूत जुटाने में लग गई है।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना महामारी बेक़ाबू होती जा रही है। आठ दिन के अंदर-अंदर प्रदेश में कोरोना 34 लोगों की जान ले चुका है। ये सभी लोग 60 साल और इससे ज्यादा उम्र के हैं। प्रदेश में कोरोना से मृत्यु दर 0.2 प्रतिशत बढ़ी है। पहले मृत्यु दर 1.60 प्रतिशत थी, जो अब 1.62 प्रतिशत पहुंच गई है। दूसरी ओर रिकवरी दर में कमी दर्ज हुई है। पहले प्रदेश में रिकवरी दर 94 प्रतिशत थी, वह अब गिरकर 93.13 प्रतिशत पहुंच गई है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने सोमवार को मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की, इसमें कोरोना पर काबू पाने पर चर्चा हुई। ऊना, कांगड़ा, सिरमौर, शिमला और सोलन जिले में कोरोना के ज्यादा मामले आ रहे हैं। जिला शिमला में अब तक कोरोना से सबसे ज्यादा 275 लोगों की मौत हुई है, जबकि कांगड़ा जिले में भी 228 लोग दम तोड़ चुके है। जिला ऊना में सामुदायिक संक्रमण हो गया है। कस्बों में कोरोना के मरीज आ रहे है। सरकार ने जिला ऊना के डीसी और सीएमओ को बीमारी के प्रति सतर्क रहने के लिए कहा है।
जिला मंडी के करसोग उपमंडल के गाँव तेबन के युवक मंडल के सदस्य आज हिमाचल पथ परिवहन निगम करसोग के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय अपनी मांग को लेकर गए। जिसमें मुख्य रूप से करसोग थर्मी (वाया तेबन) दोपहर वाली बस लगाने हेतु प्रस्ताव रखा गया। इसमें मंडल के प्रधान नरेश शर्मा, सचिव चेतन शर्मा, प्रचार प्रसार प्रमुख अंकुश कुमार, मुख्य सदस्य हीरा लाल व साथ ही ग्वालपुर पंचायत के समाजसेवी ध्यान सिंह ठाकुर ,लायक राम, कर्म सिंह, यशवन्त, ठाकुर सैन, चेत राम, देवी सिंह उपस्थित रहे। क्षेत्रीय प्रबंधक ने आश्वाशन देते हुए युवक मंडल की मांग का निवारण आगामी 15 दिनों में करने को कहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि बस व स्टाफ की कमी के कारण पहले ही बहुत से रूट प्रभावित हो रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यालय शिमला संबंधित विषय में बात कर करीब 15 दिनों के अंदर निवारण करने की कोशिश रहेगी ताकि किसी असुविधा का सामना ना करना पड़े। युवक मंडल को आश्वाशन दिया है कि जल्दी ही करसोग थर्मी बस (वाया तेबन) को हरी झंड्डी दे दी जाएगी।
राजकीय आईटीआई पपलोग में मारुति सुजुकी कंपनी के द्वारा अपने गुजरात प्लांट के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया गया। इसमें कंपनी के द्वारा 74 युवाओं को नौकरी प्रदान की गई है। चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र मौके पर ही दे दिये गए हैं। आईटीआई प्रधानाचार्य सुरेश कुमार ने बताया कि आईटीआई में सोमवार को कंपनी के प्रतिनधियों द्वारा कुल 150 युवाओं के साक्षात्कार लिए गए जिनमें से कंपनी ने 74 युवाओं का चयन किया और उनको मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। बता दें कि कंपनी के द्वारा चयनित किए गए युवाओं को आकर्षक वेतन सहित कई सुविधाएं देने का भी दावा किया गया है।
नगर निगम सोलन के 17 वार्डों में 07 अप्रैल, 2021 को होने वाले निर्वाचन में कुल 36435 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह जानकारी सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अजय यादव ने आज यहां दी। अजय यादव ने कहा कि कुल मतदाताओं में 18730 पुरूष, 17704 महिला तथा एक अन्य मतदाता हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर-01 देहूंघाट सपरून में कुल 2825 मतदाता अपने मतदाधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1480 पुरूष तथा 1345 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-02 रेलवे स्टेशन में 1450 पुरूषों तथा 1346 महिला मतदाताओं के साथ कुल 2796 मतदाता अपने मतदाताधिकार का प्रयोग करेंगे। वार्ड नम्बर-03 कथेड़ में कुल 1812 मतदाता हैं। इनमें 959 पुरूष तथा 853 महिला मतदाता हैं। उपमण्डलाधिकारी ने कहा कि नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर-04 चम्बाघाट सलोगड़ा में कुल 1980 मतदाता हैं। इनमें 1041 पुरूष तथा 939 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-05 लोअर बाजार में 581 पुरूष तथा 521 महिला मतदाताओं के साथ कुल 1102 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-06 जवाहर पार्क में कुल 2479 मतदाता हैं। इनमें 1250 महिला मतदाता तथा 1229 पुरूष मतदाता हैं। अजय यादव ने कहा कि वार्ड नम्बर-07 ठोडो ग्राउन्ड में 1168 पुरूष तथा 1124 महिला मतदाताओं के साथ कुल मतदाताओं की संख्या 2293 है। यहां एक अन्य मतदाता भी है। उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-08 शिल्ली रोड में कुल 2549 मतदाता हैं। इनमें 1322 पुरूष तथा 1227 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-09 मधुबन काॅलोनी में 959 पुरूष तथा 939 महिला मतदाताओं के साथ कुल 1898 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-10 चैंरीघाटी में कुल 2248 मतदाता हैं। इनमें 1132 पुरूष तथा 1116 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-11 डिग्री काॅलेज में कुल 2224 मतदाता हैं। इनमें 1149 पुरूष तथा 1075 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-12 सनी साईड में 1112 पुरूष तथा 1079 महिला मतदाताओं के साथ कुल 2191 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-13 कलीन वार्ड में कुल 1703 मतदाता हैं। इनमें 888 पुरूष तथा 815 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-14 हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी में 901 महिला तथा 887 पुरूष मतदाताओं सहित कुल 1788 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-15 तहसील पटरार में कुल 1626 मतदाता हैं। इनमें 855 पुरूष तथा 771 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-16 रबौण आंजी में 1030 पुरूष तथा 939 महिला मतदाताओं के साथ कुल 1969 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-17 बसाल पट्टी कथेड़ में कुल 2952 मतदाता हैं। इनमें 1488 पुरूष तथा 1464 महिला मतदाता हैं।
बद्दी स्थित भारत सरकार की संस्था केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संस्थान (सिपेट) द्वारा कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सिपेट बद्दी में तकनीकी शिक्षा विभाग, द्वारा 06 दिवसीय ‘कौशल उन्नयन’ कार्यक्रम आज से शुरू हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के 20 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं ग्रुप अनुदेशकों को डिजाइन एवं टूल रूम से सबंधित औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि तहसीलदार बद्दी मुकेश शर्मा, दून इनफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के निदेशक जे.जी. गोयल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुकेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में दैनिक आधिकारिक कार्यों के अलावा कुछ नया सीखना चाहिए। उन्होने कहा की यह तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा की गई अच्छी पहल है जिसके माध्यम से आई.टी.आई. के प्रधानाचार्यों एवं ग्रुप अनुदेशकों क तकनीकी ज्ञान में बढ़ोतरी होगी। दून इनफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के निदेशक जे.जी. गोयल ने प्रतिभागियों को उद्योगों की आज के समय की जरूरतों के विषय में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को साॅफ्ट स्किल्स के विकास के किए अधिक महत्व देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए जिससे वह उद्योगों में अच्छा कार्य कर सकें। सिपेट बद्दी के निदेशक एवं प्रमुख डाॅ.आलोक साहू ने कार्यक्रम के विषय एवं सिपेट बद्दी की विभिन्न गतिविधियों के बारे में प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस 6 दिन के कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में भ्रमण करवाया जाएगा जिससे की प्रतिभागीयों को उद्योगों की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सकें एवं उनके तकनीकी ज्ञान में भी बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने निदेशक तकनीकी शिक्षा विभाग का इस तरह के कौशल उन्नयन कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आभार प्रकट किया। सिपेट बद्दी के प्रशासनिक अधिकारी पुनीत भार्गव ने प्रतिभागियों को 06 दिन के कार्यक्रम की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में सिपेट बद्दी सहायक तकनीकी अधिकारी राहुल डोगरा तथा पुष्पेंद्र कुमार ने धन्यवाद प्रस्तावत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रघु शर्मा, राजेश कुमार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आज यहां इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीनों व वीवीपैट मशीनों के भण्डार कक्ष सहित एम-1 ईवीएम के वेयरहाउस का त्रैमासिक आन्तरिक निरीक्षण किया गया। त्रैमासिक आन्तरिक निरीक्षण के तहत तहसील परिसर कोटलानाला स्थित ईवीएम वेयर हाउस एवं पुराना उपायुक्त कार्यालय स्थित वीवीपैट वेयर हाउस को जांचा गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकान्त शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर, उपायुक्त सोलन केसी चमन, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, तहसीलदार सोलन गुरमीत सिंह नेगी, नायब तहसीलदार निर्वाचन मोहिन्द्र ठाकुर सहित निर्वाचन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी और पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कार्यकर्ताओं काे वर्चुअल संबाेधित करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि इस वर्चुअल बैठक में 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस तथा 14 अप्रैल को भारत रत्न, बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस बूथ स्तर पर मनाया जाएगा। इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रातः 10.30 बजे तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रातः 10.20 पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करेंगे। इसके लिए प्रत्येक जिला मुख्यालय पर स्क्रीन्स लगाई जाएगी। सुरेश कश्यप ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता अपने घर पर पार्टी का झण्डा लगाएगा तथा मिष्ठान एवं फल वितरण के कार्यक्रम भी किए जाएंगे। इस दिन पार्टी के गौरवशाली इतिहास, विकास पर भी चर्चा की जाएगी तथा केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं को प्रचारित किया जाएगा। साथ ही स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करना, कोरोना संक्रमण से बचाव के बारे में लागू को जागरूक भी किया जाएगा।
भले ही केंद्र सरकार डिजिटल इंडिया बनाने का सपना लेकर चली हो लेकिन अभी भी कई क्षेत्र ऐसे है जहाँ दूरसंचार व इंटरनेट की सुविधा से लोग महरूम है। ऐसी ही उपमण्डल अर्की की एक पंचायत दावटी है जहाँ के लोगों के मोबाइल फोन खाली डिब्बे बन कर रह गए हैं। दावटी पंचायत के गांव फाँजी, खांगड, शावग, शिवनगर, दावटी सहित अन्य गांव में मोबाइल टॉवर के सिंग्नल आंख मिचौली खेलते रहते है। जिस कारण लोगों को अपने रिश्तेदारों व किसी अन्य काम को लेकर दूसरों से सम्पर्क करने को लेकर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत दावटी के कर्मचारियों को पंचायत के काम को लेकर फोन व इंटरनेट की सही से सुविधा न मिलने के कारण उन्हें घनागुघाट जाना पड़ता है। स्थानीय पंचायत के हरिराम कौंडल, मुकेश, खेमचंद, पिंकू, संतलाल, अमित, राहुल सहित अन्य का कहना है कि उन्हें रोज़ाना फोन के माध्यम से लोगों से सम्पर्क करना होता है लेकिन नेटवर्क सही से न होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि वह इस समस्या की ओर ध्यान देकर उन्हें इससे निजात दिलवाएं ताकि देश के प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र मांगल में कोरोना टीकाकरण कैंप का आयोजन किया गया। टीकाकरण के दौरान पंचायत प्रधान उर्मिला देवी व उपप्रधान सीताराम ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। इस कैंप में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी डॉक्टर सुरेंद्र कुमार ने सभी लोगों को कोविड-19 के तहत बचाव की जानकारी दी। पंचायत प्रतिनिधियों ने खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की व उपमंडलाधिकारी अर्की का मांगल में टीकाकरण कैंप लगवाने के लिए आभार प्रकट किया व आग्रह किया कि हर सप्ताह यह कैंप आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र मांगल में आयोजित किया जाना चाहिए। इस मौके पर पंचायत प्रधान मांगल उर्मिला देवी, उपप्रधान सीताराम ठाकुर, स्वास्थ्य कर्मचारी संध्या नेगी, फार्मासिस्ट दिनेश शर्मा, सीएचसी याचना, आशा वर्कर सपना, हीरा देवी, गोविंद राम, प्यारे लाल, अर्जुन सिंह, नरपत राम, गुलदेव, अछरू राम, नंद लाल पंवर, शेर सिंह, जगत राम तथा पंचायत के अन्य सदस्यों सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।


















































