मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज जिला ऊना के बचत भवन में कोविड-19 और सूखे जैसी स्थिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणाओं के कार्यान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के चुने हुए प्रतिनिधियों को लोगों को फेस मास्क, सामाजिक दूरी बनाए रखने और प्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई मानक संचालन प्रक्रियाओं और सामाजिक एवं धार्मिक समारोहों के दौरान अनुमति से अधिक संख्या में एकत्रित न होने के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा। उन्होंने नागरिक संगठनों से आग्रह किया कि वे कोविड-19 के लिए स्वयं की जांच करवाने के लिए लोगों को आगे आने के लिए प्रेरित करें। इससे न केवल कोरोना मामलों का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी, बल्कि इस वायरस के प्रसार को रोकने में भी सहायक सिद्ध होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि इन प्रतिनिधियों को लोगों को टीकाकरण के लिए भी प्रेरित करना चाहिए क्योंकि यह उनकी भलाई और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने धार्मिक संगठन के प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे विभिन्न सामाजिक समारोहों जैसे विवाह आदि में बड़ी संख्या में सभाओं में शामिल न होने के लिए लोगों को प्रेरित करें। उन्होंने डाॅक्टरों को स्वयं को व्यक्तिगत रूप से शामिल करके कोविड-19 रोगियों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इलाज के लिए आने वाले मरीजों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे मरीज पर बुरा असर पड़ सकता है। डाॅक्टरों और अन्य पैरा मेडिकल स्टाॅफ से कोविड-19 के मरीजों के प्रति विनम्र व्यवहार रखने को कहा जो कोविड-19 पीड़ित मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में अहम भूमिका निभाएगा। जिले में सूखे जैसी स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि विभिन्न जल आपूर्ति योजनाओं को जोड़ने के प्रयास के अलावा विभिन्न गांवों में पानी की आपूर्ति और पानी की कमी वाले क्षेत्रों की बस्तियों को जलापूर्ति की जानी चाहिए।
डीएवी अम्बुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट के छात्र आर्यन गुप्ता ने भारतीय चार्टड अकाउंटेंट संस्थान की सीए फाउंडेशन परीक्षा को पहले ही प्रयास में पास करके विद्यालय, अभिभावकों और अध्यापकों का नाम रोशन किया। आर्यन ने इससे पहले 2020 में सीबीएसई की बारहवीं कक्षा की परीक्षा में भी वाणिज्य संकाय में 96.4% अंक लेकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। आर्यन गुप्ता के पिता संजय गुप्ता अम्बुजा उद्योग के उत्पाद विभाग में प्रबंधक के पद पर तैनात है। आर्यन ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों व अध्यापकों तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर को दिया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के चैयरमेन मनोज जिंदल ने आर्यन को इसकी इस सफलता पर बधाई दी तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अन्य छात्रों को भी इससे यह प्रेरणा लेनी चाहिए कि कठिन परिश्रम तथा लगन से निश्चित रूप से सफलता प्राप्त की जा सकती हैं।
नगर निगम चुनावों में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने समस्त कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम चुनावों में जनता ने यह साफ कर दिया है कि उसका विश्वास और आशीर्वाद सिर्फ कांग्रेस पार्टी के साथ है। कांग्रेस ने सोलन और पालमपुर में शानदार प्रदर्शन किया है। मंडी एवं धर्मशाला में कहां कमी रही इसकी समीक्षा भी की जाएगी। राजीव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रति जनता का भारी स्नेह देखने को मिल रहा है जो कि संकेत है कि 2022 में भाजपा की करारी हार होगी और कांग्रेस जनता जनार्दन के आशीर्वाद से सत्ता में आएगी। भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए, चुनावी घोषणा पत्र जारी किए लेकिन सब जुमले ही रहे क्योंकि धरातल पर कुछ भी दिखाई नहीं दिया जो कि घोषणापत्र में चिन्हित किया गया था। यही कारण है कि भाजपा सरकार पर जनता का भरोसा उठ चुका है। आने वाले फतेहपुर व मंडी विधानसभा उपचुनाव में जमीनी स्तर पर कार्य होगा। अब उन्हीं मुद्दों की बात होगी जो वास्तविकता और जमीनी स्तर से जुड़े हैं और भाजपा के झूठे प्रचार का भी हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। राजीव शुक्ला ने बताया कि आज की तारीख में भाजपा की तानाशाही नीतियों और झूठे वादों और डबल इंजन के जुमलों से जवान, किसान, आम जनता ,युवा, महिलाएं व हर वर्ग पूर्णत: परेशान है। बेवजह की महंगाई बढ़ने से आज सारा समाज त्रस्त है। राजीव शुक्ला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आप सब अपनी कमर कस लें और मजबूती से संगठन के सिद्धांतों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करें। कांग्रेस इस देश की सबसे पुरानी पार्टी है जिसने सदैव जनता का भला चाहा है और उम्मीद है आने वाले समय में भी इसी तरह से कांग्रेस जनता के मुद्दों का ध्यान रखेगी और जनता का प्यार और स्नेह कांग्रेस के साथ बना रहेगा।
सुलह विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत खरौठ निवासी गुरदेव सिंह की सांप काटने से हुई मृत्यु के बाद उसकी धर्मपत्नी दया देवी को विधान सभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने प्रदेश सरकार के रिलीफ मैन्युअल के तहत 4 लाख रुपये की राहत राशि का चैक भेंट किया। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार, प्रदेश के कमज़ोर वर्गों के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमज़ोर और जरूरतमंद लोगों की हर संभव सहायता करने का प्रयास कर उन्हें राहत देने का प्रयास कर रही है। सुलह हलके में जरूरतमंद लोगों को इलाज़, बच्चों को पढ़ाई खर्च और बेटियों की शादी इत्यादि के लिए करोड़ों रुपये की सहायता सरकार से उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने लोगों के कल्याण के लिए स्वर्ण जयन्ती आश्रय योजना/अनुसूचित जाति कल्याण ‘‘स्वर्ण जयन्ती आश्रय योजना’’ आरंभ कर 12 हज़ार लाभार्थियों को मूलभूत सुविधाओं से परिपूर्ण आवास देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि 2022 तक अनुसूचित जाति वर्ग के सभी पात्र आवेदकों को घर की सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी। स्वर्ण जयन्ती आश्रय योजना हेतु 180 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। परमार ने कहा कि सरकार ने शगुन नाम से महत्वपूर्ण योजना आरंभ की है जिसमें अर्थिक रूप से साधन विहिन परिवारों की बेटियों की शादी के 31 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी और इसके लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 5,77,000 लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है जिस पर राज्य सरकार 875 करोड़ रुपये का वार्षिक व्यय किए जा रहे हैं। विधान सभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर सुलह विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत अपने निवास स्थान ननाओं में लोगों की समस्याओं का निपटारा किया और अधिकारियों को भी आदेश दिए कि जनसमस्याओं को प्राथमिकता पर समयबद्ध हल करें।
ग्राम पंचायत बागा (करोग), मांगल व बैरल में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील कल्याण विभाग अर्की से डॉ गौतम शर्मा व सहायक कमलेश शर्मा ने तीनों पंचायतों में कल्याण विभाग द्वारा संचालित जन कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया। इस मौके पर ग्राम पंचायत बागा की प्रधान सुरेंद्रा देवी, उप प्रधान श्यामलाल, बीडीसी सदस्य वार्ड मांगल अनीता देवी, ग्राम पंचायत मांगल की प्रधान उर्मिला देवी, उपप्रधान सीताराम, ग्राम पंचायत बैरल के उपप्रधान अजीत सिंह सेन, पूर्व उपप्रधान राजेंद्र सिंह सहित बैरल, मांगल व बागा (करोग) के पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
उपमंडल सरकाघाट के तहत आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र रिस्सा में 116 लोगों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया गया। पंचायत प्रधान लता देवी ने बताया कि पहले यह टीका थौना या सरकाघाट में लगाया जाता था। तत्पश्चात लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसके शिविर का आयोजन पंचायत रिस्सा में रखा गया। टीकाकरण होने से पहले इसकी सूचना सभी 45 वर्ष से ऊपर वाले पंचायत वासियों को दे दी गई थी। पंचायत प्रधान लता देवी ने डॉक्टर कुमुदं भल्ला पीएचसी थौना से बात करके यह आश्वस्त किया कि जल्द ही दोबारा इसी पंचायत में टीकाकरण शिविर रखा जाएगा ताकि बचे हुए लोगों को फिर से उनके नज़दीकी स्थान पर यह टीका लग सके।
जंगलो में आग लगने से वनसम्पदा को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। गत रात्रि को कुनिहार क्षेत्र के आस-पास के जंगल पूरी रात सुलगते रहे। कुनिहार क्षेत्र के शिव गुफा मार्ग, शारडाघाट, सब स्टेशन जाबल आदि जंगलों में भयानक आग लगने से जंगली जीव जंतुओं के आशियाने जलकर राख हो गए। इसके कारण वनसम्पदा को बहुत नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही वन विभाग व दमकल विभाग आग पर काबू पाने के लिए जंगलो में पहुँच गए। जंगलो में दमकल विभाग की गाड़ी न पँहुचने की वजह से कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी परेशानियां झेलनी पड़ी। कर्मी झाड़ियों की मदद से ही आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। गनीमत यह है कि अभी तक जंगल की आग किसी रिहायशी इलाकों तक नहीं पहुंची है, अगर ऐसा हो जाता तो बहुत बड़ा नुकसान हो सकता था। इस विषय पर वनमण्डलाधिकारी कुनिहार एच.के गुप्ता ने कहा कि फायर सीज़न शुरू हो गया है। वनों में आग लगने की वजह से वन संपदा को भी काफी नुकसान हो रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही विभागीय कर्मियों को मौके पर भेजा जा रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अनुराग चन्द्र शर्मा ने आज नगर निगम सोलन के शेष 08 नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर 01 से निर्वाचित पार्षद मनीष कुमार, वार्ड नम्बर 02 से निर्वाचित पार्षद सुषमा शर्मा, वार्ड नम्बर 03 से निर्वाचित पार्षद रजनी, वार्ड नम्बर 05 से निर्वाचित पार्षद कुलभूषण, वार्ड नम्बर 06 से निर्वाचित पार्षद रेखा साहनी, वार्ड नम्बर 09 से निर्वाचित पार्षद शैलेन्द्र गुप्ता, वार्ड नम्बर 13 से निर्वाचित पार्षद मीरा आनंद तथा वार्ड नम्बर 16 से निर्वाचित पार्षद सीमा को शपथ दिलवाई गई। तदोपरान्त नगर निगम सोलन के महापौर एवं उप महापौर का निर्वाचन सम्पन्न हुआ। वार्ड नम्बर 08 से निर्वाचित पार्षद पूनम ग्रोवर को नगर निगम सोलन का महापौर एवं वार्ड नम्बर 14 से निर्वाचित पार्षद राजीव कुमार को उप महापौर चुना गया। महापौर के निर्वाचन में वार्ड नम्बर 08 से निर्वाचित पार्षद पूनम ग्रोवर को 09 तथा वार्ड नम्बर 01 से निर्वाचित पार्षद मनीष कुमार को 08 मत पड़े। उपमहापौर के निर्वाचन में वार्ड नम्बर 14 से निर्वाचित पार्षद राजीव कुमार को 09 तथा वार्ड नम्बर 09 से निर्वाचित पार्षद शैलेन्द्र गुप्ता को 08 मत पड़े।अतिरिक्त उपायुक्त ने इस अवसर पर नव निर्वाचित महापौर, उप महापौर एवं सभी सभी पार्षदों को बधाई दी। इस अवसर पर नगर निगम सोलन के सभी नव निर्वाचित पार्षद, नगर निगम सोलन के आयुक्त एल.आर. वर्मा, सहायक आयुक्त (लीव रिर्जव) एच.एस. राणा सहित अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
बारालाचा में बर्फबारी होने के कारण मनाली-लेह मार्ग के बंद होने से गुरुवार की रात को कई वाहन व लोग बर्फ के बीच फंसे रहे। लेह के सरचू से मनाली की तरफ आने वाले इन लोगों को निकालने के लिए बीआरओ 70 आरसीसी और लाहौल-स्पीति पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। तापमान शून्य से 25 डिग्री के बीच बीआरओ और पुलिस के जवानों ने यहां फंसी महिलाओं और बच्चों सहित कुल 37 यात्रियों को निकालकर दारचा पहुंचाया व रेस्क्यू अभियान में 16 वाहनों को सुरक्षित दारचा लाया गया। मनाली-लेह हाईवे तीन के बंद होने से अभी भी वहां कई वाहन फंसे हुए हैं और मनाली से लेह की ओर जाने वाले लोग अभी दारचा से आगे नहीं जा सके हैं। वहीं, जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में तीन दिनों से मौसम ने करवट ली है। गुरुवार रात को रोहतांग, कुंजुम दर्रा सहित ऊंची चोटियों में ताजा बर्फ के फाहे गिरे हैं। जहां पांच से दस सेंटमीटर तक गिरे फाहों से तापमान में गिरावट आई है। ऐसे में शिंकुला व कुंजुम दर्रा को बहाल करने का काम प्रभावित हो रहा है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मण्डी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र में लगभग 50 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण किए। इस अवसर पर जंगलों में आग की घटनाओं की निगरानी के लिए जागरूकता वैन को भी हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने हरडगलू में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जिला मण्डी को प्रदेश सरकार का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। पिछले तीन वर्षों में लोक निर्माण विभाग ने इस विधानसभा क्षेत्र में 250 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं जबकि 19 करोड़ रुपये की 16 आईपीएच योजनाओं का क्रियान्वयन किया है। द्रंग विधानसभा क्षेत्र का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता सूची में है। कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने प्रदेश के 42 विधानसभा क्षेत्रों में इंटरनेंट के माध्यम से और वास्तविक रूप में 3500 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला रखी व शिलान्यास किए। कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश सरकार ने बाहरी राज्यों में फंसे लगभग 2.50 लाख हिमाचलियों की प्रदेश वापसी सुनिश्ति की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्व सरकार ने प्रदेश के हितों को नजरंदाज किया और कांग्रेस नेताओं ने कोरोना महामारी के दौरान पार्टी आलाकमान के समक्ष 12 करोड़ रुपये के बिल प्रस्तुत किए। इस अवसर पर द्रंग मण्डल भाजपा ने मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक लाख रुपये का चैक भेंट किया। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, विधायक राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, प्रकाश राणा, इंद्र सिंह गांधी और हीरा लाल, सैनिक कल्याण निगम के अध्यक्ष ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर, अध्यक्ष मिल्कफैड निहाल चंद शर्मा, अध्यक्ष वक्फ बोर्ड मोहम्मद राजबली, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, मंडी नगर निगम की महापौर दीपाली जसवाल, उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर व पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
Himachal Pradesh State Nurses Association’s president Aruna Kaur Luthera, Gen. Sec. Sita Thakur, Amita Puri, Sushma Thakur, and Shashi Sharma have extended their heartfelt gratitude to chief minister Jai Ram Thakur for the work nurses have done during the corona pandemic and for announcing Rs 1500 ex-gratia/honorarium to all the Class III and IV employees. Chief Minister Jai Ram Thakur presided over the State level Himachal Day function held at Padhar in the Drang Vidhan Sabha area of the Mandi district on Thursday where he announced Rs 1500 ex-gratia/honorarium to all the Class III and IV employees such as staff nurses, ward boys, Class IV employees, Asha workers, etc. involved directly in the service of COVID-19 patients for April and May. He said that the whole world has been suffering from Covid-19 and our State was also no exception. He said that despite the challenges of Covid-19, with the support of the people, the government tried to revive the economy of the State by regulating the basic facilities smoothly. He urged the people of the State to come forward to help the State Government in checking the spread of this virus.
ग्राम पंचायत मांगल में हिमाचल दिवस पंचायत प्रधान उर्मिला देवी की अध्यक्षता में मनाया गया। इस दौरान पंचायत प्रधान ने समस्त वार्ड सदस्यों को शपथ दिलवाई। पंचायत प्रधान उर्मिला देवी व उपप्रधान सीता राम ठाकुर ने कहा कि हम सब अपने पहाड़ी प्रदेश की सांस्कृतिक व प्राकृतिक विरासत को सहेजने हेतु विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह वैश्विक महामारी कोरोना के विरुद्ध सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का हमेशा पालन करेंगे व प्रदेश के निरंतर विकास में अपना योगदान देंगे जिससे देव भूमि हिमाचल प्रदेश संपूर्ण देश के पहाड़ी राज्य में अग्रणी राज्य के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना सके। इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधि व अन्य पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत सूरजपुर में हिमाचल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत प्रधान ओमप्रकाश ने की। इस दौरान कार्यक्रम में सर्वप्रथम झंडा फहराया गया उसके बाद लोगों को शपथ दिलाई गई। इस मौके पर पंचायत प्रधान द्वारा लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिए सुझाव बताए गए। कार्यक्रम में पंचायत के सभी पूर्व में रहे प्रधान व उपप्रधानों को समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वन विभाग के कर्मचारियों ने जंगल में आग ना लगाने व आग लगे उस बारे विभाग को सूचित करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वनों को सुरक्षित रखने व वन संपदा के सरक्षंण के बारे में जानकारी दी व लोगों से वनों को बचाने की अपील की। इस अवसर पर वन विभाग के कर्मचारी सहित लगभग 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
सोलन में हिमाचल दिवस के अवसर पर पहुंचे ट्रांसपोर्ट मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले वर्करों को सम्मानित किया जिसमें कुनिहार क्षेत्र के मेहर चन्द जो डीसी ऑफिस सोलन के इलेकेशन ब्रांच में कनिष्ठ सहायक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे है को मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने बेस्ट वर्कर के अवार्ड से नवाजा। मेहर चन्द 1998 से इलेकेशन डिपार्टमेंट में कर्तव्य निष्ठा व ईमानदारी से कार्य कर रहे है, जिसके लिए उन्हें हिमाचल दिवस के मौके पर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से मेहर चन्द के परिवार सहित कुनिहार क्षेत्र में ख़ुशी की लहर है व लोग मेहर चन्द को बधाई व शुभकामनाएं दे रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को आवश्यक रख-रखाव कार्य के दृष्टिगत 33 केवी विद्युत उप केन्द्र कथेड़ की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियन्ता विकास गुप्ता ने दी। उन्होंने कहा कि इस कारण 17 अप्रैल को माल रोड सोलन, कोटलानाला, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, जौणाजी रोड, चम्बाघाट, अश्वनी खड्ड, देहूंघाट, शिल्ली रोड, बड़ोग, आंजी, उदय विहार, बाड़ा, शामती, कथेड़ तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 09.30 बजे से सांय 05.30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
जिला सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित हिमाचल दिवस समारोह को उद्योग, परिवहन तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने सम्बोधित किया। परिवहन मंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस एवं गृह रक्षा द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक मुनीष कुमार ने परेड का नेतृत्व किया। बिक्रम सिंह ठाकुर ने कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि भी अर्पित की तथा प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय डाॅ. वाई.एस. परमार को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर निवेश आकर्षित करने के लिए धर्मशाला मेें आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में लगभग 97000 करोड़ रुपये निवेश के 703 समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित हुए। इस निवेश में से 13,656 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का पहला ग्राउंड बे्रकिंग समारोह आयोजित कर परियोजनाओं का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। कोविड-19 के कारण लम्बित शेष कार्य को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। लगभग 10,000 करोड़ रुपए के निवेश को धरातल पर उतारने के लिए शीघ्र ही द्वितीय ग्राउंड बे्रकिंग समारोह आयोजित किया जाएगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना प्रदेश के युवाओं के लिए वरदान बन कर उभर रही है। योजना के तहत सोलन जिला में अभी तक 282 युवाओं को उपदान के रूप में 13.57 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। सोलन जिला में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 12 हज़ार 808 युवाओं को कौशल विकास भत्ता योजना के अन्तर्गत 08 करोड़ रुपए से अधिक उपलब्ध करवाए गए हैं। सोलन जिला ने देश में औद्योगिक क्षेत्र के रूप में अपनी विशेष पहचान बनाई है। ज़िला का बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) क्षेत्र हिमाचल का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में कुल 4451 बड़ी व लघु औद्योगिक इकाईयां कार्यरत हैं। इन इकाईयों में 15504 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश हुआ है और लगभग 01 लाख 07 हजार व्यक्तियों को रोज़गार प्रदान किया गया है। श्रम एवं रोज़गार मन्त्री ने कहा कि हिमाचल देश का ऐसा पहला राज्य है जहाँ प्रथम कक्षा से आठवीं कक्षा तक के सभी विद्याार्थियों को पाठ्य पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गई हैं। वर्तमान प्रदेश सरकार लोगों को संवेदनशील शासन एवं स्थाई विकास प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। प्रदेश सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास एवं सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, आयुष्मान भारत, हिमकेयर, सहारा जैसी योजनाओं के साथ-साथ जनमंच एवं मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन का लाभ उठाएं। कोविड-19 से बचाव के लिए उचित तरीके से मास्क पहनें, सोशल डिस्टन्सिंग का पालन करें, बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा सेनिटाईजर से धोएं और 45 वर्ष से अधिक के सभी जन अपना टीकाकरण करवाएं। बिक्रम सिंह ने अनुकरणीय कार्य करने वाली संस्थाओं एवं अन्य को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। जिला के सभी उपमण्डलों में भी हिमाचल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, भाजपा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रो. वीरेन्द्र कश्यप, पूर्व परिवहन मन्त्री एम.एन. सोफत, जिला भाजपा महासचिव नंदलाल कश्यप, भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, उपायुक्त केसी चमन, अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, नगर निगम सोलन के आयुक्त एल.आर. वर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन पट्टाबराबरी-हरिपुर इकाई की नवगठित कार्यकारणी की प्रथम बैठक इकाई अध्यक्ष डी डी कश्यप की अध्यक्षता में पट्टाबराबरी में आयोजित की गई। अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें दोबारा इकाई के अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी देने के लिए सबका आभार व्यक्त किया। बैठक में मेम्बरशिप पर पूर्ण विवरण सहित चर्चा की गई व जिन सदस्यों ने 2020-21 की मेम्बरशिप जमा नहीं करवाई, उनसे आग्रह किया गया कि कोषाध्यक्ष के पास अपनी मेंबरशिप जमा करवा दें। बैठक के दौरान विश्व व्यापी कोरोना महामारी पर भी गम्भीर चर्चा की गई व इससे सुरक्षित रहने के लिए सरकार व प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करने की सबसे अपील की गई। इस बैठक में केशवा राम, रोशन लाल कौंडल, जगदीश शर्मा, जगदेव गर्ग, दुनिचन्द ठाकुर, महमूद वेग, दीनानाथ गर्ग, ख्याली राम, गीता देवी ,बिशन दास, नेक राम कौशल व चेतराम आदि मौजूद थे।
जिला किन्नौर के मुख्यालय रिकांगपिओ के रामलीला मैदान में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने की और ध्वजारोहण कर भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व हिमाचल पुलिस विभाग के उप निरीक्षक आशा राम ने किया। परेड में भारत तिब्बत सीमा पुलिस, हिमाचल पुलिस, गृह रक्षा पुरूष व महिला व गृह रक्षा बैंड की टुकड़ियों ने भाग लिया। डाॅ. राजीव सैजल ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल पदेश के गठन व पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के उपरान्त प्रदेश ने अभूतपूर्वक विकास किया है। आज हिमाचल प्रदेश खुशहाल एवं प्रगतिशील राज्य की श्रेणी में गिना जाता है। विगत वर्षों में हमने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेज कर रखने के साथ-साथ आधुनीकीकरण को भी अपनाया है। मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा पर आधारित ऑनलाइन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 6 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही कार्यक्रम समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को भी नगद पुरूस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी, पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी, जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, उपायुक्त किन्नौर हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक एस. आर. राणा उपमण्डलाधिकारी कल्पा डाॅ. मेजर अवनींद्र कुमार, सहायक आयुक्त मुनीष कुमार शर्मा, कमान्डेन्ट होम गार्ड सुरेश कुमार व अन्य लोग उपस्थित थे।
हिमाचल दिवस के मौके पर काजा प्रशासन ने उपमंडलीय स्तर पर शपथ समारोह का आयोजन किया। एडीएम ज्ञान सागर नेगी ने इस मौके पर कर्मचारियों को शपथ दिलवाते हुए कहा कि हिमाचल दिवस के अवसर पर अपने पहाड़ी प्रदेश की सांस्कृतिक व प्राकृतिक विरासत को सहेजते हुए इसके सतत विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इसके साथ ही हम वैष्विक महामारी कोरोना के विरूध सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का हमेशा पालन करेंगे तथा हम यह भी शपथ लेते है कि हमारा प्रदेश जो इस वर्ष स्वर्णिम जयंती मनाने जा रहा है, इसके निंरतर विकास में अपना योगदान देंगे। ताकि हिमाचल पहाड़ी राज्य के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना सके। एडीएम ने हिमाचल दिवस के मौके पर सभी को बधाई दी। 15 अप्रैल, 1948 को 30 छोटी-बड़ी पहाड़ी रियासतों के विलय के बाद यह पहाड़ी राज्य अस्तित्व में आया था। वर्ष 1971 में जब यह प्रदेश एक पूर्ण राज्य बना तो उस समय के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 10 हज़ार 617 किलोमीटर लम्बी सड़कें थीं, साक्षरता दर 31.96 प्रतिशत थी। प्रदेश में 4 हज़ार 693 शैक्षणिक संस्थान तथा 587 स्वास्थ्य संस्थान थे। बिजली की सुविधा भी 3 हज़ार 249 गांव में उपलब्ध थी। प्रति व्यक्ति आय भी मात्र 651 रुपये थी। वर्तमान में हिमाचल की गिनती खुशहाल एवं प्रगतिशील राज्यों की श्रेणी में की जाती है। प्रदेश में सड़कों की लम्बाई बढ़कर 38 हज़ार 470 किलोमीटर हो चुकी है। 10 हज़ार 508 गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जा चुका है। लगभग 99 प्रतिशत पंचायतें सड़कों से जुड़ चुकी हैं। वर्तमान में प्रदेश में शिक्षण संस्थानों की संख्या 15 हज़ार 553 है तथा साक्षरता दर 82.80 पहुंच गई है। आज हर क्षेत्र में हिमाचल विकास की नई गाथा लिख रहा है। इस मौके पर एसडीएम जीवन सिंह नेगी, बीडीओ महेंद्र प्रताप सिंह, डीएसपी सुंशात शर्मा सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला हमीरपुर में कोरोना के नियमों का ध्यान रखते हुए हिमाचल दिवस का आयोजन किआ गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन वीरेंद्र कंवर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस भव्य परेड में पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया। इस अवसर पर वीरेंद्र कंवर ने कहा कि 15 अप्रैल सभी हिमाचलवासियों के लिए एक ऐतिहासिक और चिरस्मरणीय दिवस है। इसी दिन हमारा खूबसूरत पहाड़ी प्रदेश अस्तित्व में आया और अपनी एक अलग पहचान बनाई। प्रथम मुख्यमंत्री एवं हिमाचल निर्माता डॉ. वाई.एस.परमार को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. परमार ने प्रदेश को एक अलग पहचान दिलाई और प्रदेश के विकास के लिए एक सशक्त आधार प्रदान किया। हिमाचल की गिनती अब खुशहाल एवं प्रगतिशील राज्यों की श्रेणी में की जाती है। समारोह के दौरान लोक कलाकारों ने समूह गान और कोरोना संबंधी जागरुकता पर एक लघु नाटक पेश किया। इस मौके पर विधायक नरेंद्र ठाकुर, कमलेश कुमारी, एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष कमलनयन शर्मा, कौशल विकास निगम के प्रदेश संयोजक नवीन शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी, उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी, पंचायत समिति अध्यक्ष हरीश शर्मा, डीसी देबश्वेता बनिक, एसपी कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन संग अन्य लोग उपस्थित रहे।
रिवालसर में सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिसमे एक युवक की टांगों में गम्भीर चोट आई है। रिवालसर सामुदायिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल होने पर एक युवक को लाल बहादुर शास्त्री कालेज अस्पताल नेरचौक रैफर कर दिया गया और दूसरे युवक का इलाज रिवालसर अस्पताल में चल रहा है। प्राप्त जानकारी अनुसार नेपाली मूल व तिब्बती मूल के दो युवक उमेश उम्र 29 साल व टसी उम्र 26 साल बाइक पर सवार होकर तेज गति से मंडी से रिवालसर की ओर आ रहे थे। इस दौरान गरलौनी के पास युवको की बाइक नियंत्रण खोकर निजी बस देवा कोच से जा टकराई। पुलिस को दी जानकारी के अनुसार बस चालक ने बताया कि दोनों युबक बड़ी तेजी से रिवालसर की ओर आ रहे थे। उन्हें बचाने की कोशिश की गई मगर युवको ने बाइक से बस को टक्कर मार दी। रिवालसर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवको के खिलाफ तेज गति से बाइक चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना की पुष्टि डीएसपी बल्ह अनिल पटयाल ने की।
प्रदेश में दसवीं व बारहवीं की परीक्षा स्थगित होने के फैसले से छात्रों व अभिवावकों में गहरी निराशा है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिवालसर के स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान कमलेश शर्मा ने सरकार के इस निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा की है। छात्रों का हित देखते हुए उन्होंने इस निर्णय को वापिस लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगर निगम के चुनाव में भारी भरकम रैलीयां बगैर कोविड नियमों के होती रही वहीं पश्चिम बंगाल में भी कोविड नियमों को ताक पर रख कर रैलीयां करवाई जा रही है। परंतु परीक्षा स्थल पर सामाजिक दूरी मास्क व कोविड नियमों का भली भाँति पालन किया जा रहा है फिर भी परीक्षाओं को रद करने का निर्णय समझ से परे है। इस निर्णय से छात्रों के भविष्य पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ेगा।
स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. हर्ष वर्धन ने राष्ट्रीय तृतीय आयुष्मान भारत-हैल्थ एण्ड वैलनेस दिवस समारोह में भारत सरकार द्वारा वर्ष 2020-21 के लिए निर्धारित लक्ष्य को पार करने के लिए हिमाचल प्रदेश को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन वर्चुअल माध्यम से हुआ जिसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डायरेक्टर डाॅ. निपुण जिन्दल ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने वर्ष 2020-21 के लिए 983 स्वास्थ्य देखभाल केन्द्र क्रियाशील करने का लक्ष्य दिया था जबकि प्रदेश ने इस लक्ष्य को पार करते हुए 31 मार्च तक राज्य में 1022 स्वास्थ्य देखभाल केन्द्र क्रियाशील कर दिए हैं जो कि निर्धारित लक्ष्य का 104 प्रतिशत है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने तृतीय आयुष्मान भारत हैल्थ एण्ड वैलनेस डेे अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान इस उपलब्धि के लिए प्रदेश को बधाई दी। डाॅ. निपुण जिन्दल ने इस उपलब्धि को प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, जिला कार्यक्रम अधिकारियों, खण्ड चिकित्सा अधिकारियों और प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल टीमों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इन सभी की निष्ठा और प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप ही प्रदेश को यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने आशा जताई कि आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य देखभाल केन्द्रों के माध्यम से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं ज़मीनी स्तर तक और अधिक सुदृढ़ होंगी।
कुंहर पंचायत का घड़याच पेयजल टैंक अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। टैंक की दीवारें और छत जर्जर होने के कारण गिरने की कगार पर हैं जिससे चार पंचायतों में पेयजल संकट गहरा सकता है। जगह-जगह दरारें पड़ने के कारण टैंक में सांप बिच्छू आसानी से अंदर जा सकते हैं जिससे ग्रामीणों को जलजनित रोग फैलने का डर है। अर्की उपमंडल की कुंहर, जघून, शहरोल, बड़ोग और बलेरा पंचायत को पेयजल मुहैया कराने वाली उठाऊ पेयजल योजना का भंडारण टैंक घड़याच में जंगल के साथ घासनी में बना हुआ है जोकि जर्जर हालत में है। इन पंचायतों के लोग दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं। इस विषय में लोगों का कहना है कि कई बार मीडिया के माध्यम से संबंधित विभाग को अवगत कराया गया लेकिन विभाग के कान पर जूं तक नही रेंग रही है। विभाग टैंक गिरने का इंतजार कर रहा है। सूचना देने के बाद भी इसे ठीक नहीं करवाया जा रहा है। स्थानीय लोगो ने कहा कि जब से पेयजल योजना का जिम्मा बाहर की कम्पनी को मिला है तब से भंडारण टैंक की मेन्टेनेन्स तक नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने करीब छह महीने पहले भी टैंक की खस्ताहालत के बारे में आईपीएच विभाग के जेई मदन शर्मा को बताया था। स्थानीय निवासी ओम प्रकाश ठाकुर, प्रेम लता ठाकुर, अमर सिंह ठाकुर, लाल चंद ठाकुर, कमल ठाकुर, नरपत राम ठाकुर तथा दुर्गा राम ठाकुर ने कहा कि भंडारण टैंक की हालत आज भी ज्यों की त्यों है। टैंक की जर्जर छत कभी गिर सकती है। क्षेत्र की समस्त जनता ने अधिकारियों से आग्रह किया है कि पेयजल भंडारण टैंक का निर्माण शीघ्र अति शीघ्र करवाया जाए। वहीं, आइपीएच विभाग के जेई मदन शर्मा का कहना है कि उनका विभाग 31 मार्च तक की क्लोज़िंग में ज्यादा व्यस्त था। टैंक की खस्ताहालत के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करदिया गया है। जैसे ही बजट का प्रावधान होगा इसके स्थान पर दूसरा टैंक जल्द ही बनवाया जाएगा और टैंक से बाहर जाने वाली हर पाइप लाइन को दरुस्त करवाया जाएगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य पर वैचारिक चिंतन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव डॉ सुरेंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इकाई अध्यक्ष विशाल सकलानी ने स्वागत उद्वोधन में कहा कि आज 14 अप्रैल को वे बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की 130 वीं जयंती मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान भारत के स्वरूप को गढ़ने में बाबा साहेब का स्वर्णिम योगदान रहा है, बाबा साहेब मानते थे कि प्रत्येक भारतीय की पहचान सबसे पहले एक भारतीय के रूप में है और राष्ट्र ही सर्वोपरि है। मुख्यातिथि महोदय डॉ शर्मा ने बाबा साहेब को याद करते हुए उनके सामाजिक न्याय के सिद्धांत में कहा कि बाबा साहेब का कहना था कि जब तक समाज में महिला का आदर नहीं होगा तब तक वास्तव में सामाजिक विकास अधूरा रहेगा, महिलाओं का विकास ही समाज का वास्तविक विकास है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी का विचार परिवार पूर्णतः बाबासाहेब के विचारों का सम्मान करता है और उनके दिखाई हुई दिशा पर अग्रसर है, आज के समय में विडंबना हो गई है कि कुछ तथाकथित बुद्धिजीवी अम्बेडकर के उन विचारों पर ही अड़े रहते हैं जिन से राजनीतिक फ़ायदे हो सके। बाबा साहेब हिन्दुओं में भेदभाव का पुरजोर विरोध करते थे उन्होंने हमेशा ही हिन्दुओं में भेदभाव, कुर्तियों, समाजिक अन्याय को दूर करने का प्रयास किया और सफल भी रहें, लेकिन कभी किसी धर्म विशेष के विरोधी नहीं रहे। उन्होंने कहा कि भारत की एकता के लिए अभी भी बाबासाहेब के दिखाएं हुए रास्ते पर चलने की आवश्यकता है। बाबा साहेब का विचार है कि समरसता के बिना स्वतंत्रता निरर्थक है। वैचारिक चिंतन में मोनिका ने कहा कि वास्तव में समाज को समाज ही एक कर सकता है, भेदभाव कुर्तियों को दूर करने का एकमात्र और सही तरीका समाज को शिक्षित कर समाज को भेदभाव मुक्त करना है। वैचारिक चिंतन में कर्मपाल, मंजीत, मोनिका, विशाल, वर्तमान संदर्भ में बाबा साहेब के विचारों की प्रसंगीगत और भूमिका के बारे में अपना अपना वक्तव्य रखा। अंत में समापन उद्बोधन में इकाई मंत्री आकाश ने कहा कि भविष्य का भारत शिक्षित युवाओं के कंधे पर ही निर्भर है जो विचार और दिशा बाबासाहेब ने दिखाएं है उन पर चलने की आवश्यकता है। इस दौरान अभाविप द्वारा आयोजित इस वैचारिक चिंतन कार्यक्रम में विभिन्न छात्र, शोधार्थियों व शिक्षाविदों ने वर्तमान समय में विवेकानंद के विचारों की प्रासंगिकता, समरस भारत- श्रेष्ठ भारत व सामाजिक न्याय में अम्बेडकर की भूमिका इन विषयों पर अपना वक्तव्य रखा।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा हिमाचल प्रदेश की बैठक चौधरी कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रतन लाल ठाकुर ने की। कार्यकारी अध्यक्ष ने सर्वप्रथम युवा प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए जिला सोलन से प्रवीण ठाकुर को क्षत्रिय महासभा का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया। इसके बाद बैठक में चर्चा की गई कि प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा बहुसंख्यक सामान्य वर्ग के साथ भेदभाव को अभी तक गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। रतन लाल ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार के समक्ष 20 अप्रैल को शिमला में स्वर्ण आयोग के गठन करवाने हेतु जो धरना प्रदर्शन किया जाएगा उसमें प्रदेश के हर जिला से अधिक से अधिक स्वर्ण समुदाय के लोग एकत्रित हों ताकि मध्य प्रदेश की तर्ज पर इस प्रदेश में भी स्वर्ण आयोग का गठन करवाया जा सके। उन्होंने सामान्य वर्ग के सभी बंधुओं, युवाओं व महिला शक्ति से अनुरोध किया है कि वे इस मामले की गंभीरता को समझते हुए अधिक से अधिक संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा कर इस धरना प्रदर्शन में भाग लें ताकि स्वर्ण आयोग गठन के साथ आर्थिक आधार पर आरक्षण देने हेतु सरकार पर दबाव बनाया जा सके। इस अवसर पर युवा प्रदेश महासचिव प्रवीण ठाकुर ने संपूर्ण सवर्ण समुदाय से एकजुट होने का संदेश दिया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री विशाल ठाकुर, किशोर ठाकुर, चंद्र प्रकाश पाल, राजकुमार ठाकुर, मदनलाल, धर्मपाल ठाकुर, राकेश कुमार ठाकुर, राकेश वर्मा, रामजी वर्मा, रमेश ठाकुर संग अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर भाजपा प्रदेश कार्यालय दीप कमल चक्कर शिमला में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जमवाल, प्रदेश सरकार स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक बलबीर वर्मा एवं शिमला नगर निगम की महापौर सत्या कौंडल ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बाबासाहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि आज देशभर में भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई जा रही है। उनसे प्रेरणा लेकर समाज में काम करने के लिए हम कृत संकल्पित हैं। बाबा साहेब एक नेता, विचारक, आर्थिक जगत के ज्ञाता, लेखक और समाज सुधारक थे। बाबा साहेब ने अपने जीवन में बहुत कष्ट सहे, लेकिन उन्होंने राष्ट्रीयता की भावना के साथ कभी समझौता नहीं किया। समाज का नेतृत्व करने से उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दलित समाज को मुख्यधारा में शामिल करने के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। स्टैंड अप इंडिया के तहत दलित भाइयों को 10 लाख से लेकर 10 करोड़ के व्यापार के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके चलते दलित भाई आज नौकरी देने वाले बन रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार ने दलित भाइयों के लिए अनेकों योजनाओं की शुरुआत की है हर जिले में अंबेडकर भवन भाजपा सरकार की ही देन है। अनुसूचित जाति के लिए बजट में बढ़ावा किया गया है व अनुसूचित जाति वर्ग के लिए छात्रवृत्ति भी बड़ी मात्रा में दी जा रही है।
प्रदेश में आज़ादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों के बारे में आज आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव अनिल खाची ने की। यह कार्यक्रम भारत की स्वाधीनता की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की एक श्रृंखला है। यह महोत्सव जन भागीदारी की भावना में एक जन उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने आयोजन से संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति में सुधार होने के उपरांत किया जाएगा। इस आयोजन के तहत आगामी वर्ष तक राज्य व जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभिन्न स्तरों पर चार तरह की कमेटियां गठित की जाएंगी। आज़ादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला के दौरान स्कूल, जिला व राज्य स्तर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों में भी विभिन्न प्रकार की प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, केंद्रीय विश्वविद्यालय तथा भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान द्वारा सेमिनार का आयोजन भी किया जाएगा। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित महत्वपूर्ण घटनाओं व स्थानों के संबंध में भी कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के तहत स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न समारोहों में स्वतंत्रता सेनानियों तथा दिवंगत स्वतंत्रता सेनानियों की पत्नियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के तहत हिमाचल का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान विषय पर काॅफी टेबल बुक भी प्रकाशित की जाएगी और थीम सॉंग भी तैयार किया जाएगा। इस आयोजन के दौरान किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की डाॅक्यूमेंटेशन करने तथा इस कार्यक्रम में जन भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
ठियोग में अल्टो कार की दुर्घटना ग्रस्त होने की सूचना मिली है। आल्टो कार नम्बर HP09c 7842 बगाघाट मंदिर के पास दुर्घटना ग्रस्त हो गई। जिसमें गाड़ी चालक व मालिक राजेस्वर शर्मा पुत्र संत राम शर्मा निवासी प्रेमघाट वार्ड न 2 ठियोग उम्र 39 वर्ष सहित उसकी दो बेटियों की मौत की सूचना है। जबकि पत्नी को गम्भीर अवस्था में शिमला के igmc में इलाज के लिए लाया गया है।
प्रदेश के जिला मंडी के उपमंडल सुंदरनगर की दुर्गम ग्राम पंचायत सोझा के सरोर गांव के निकट मंगलवार शाम को एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कार करीब 400 फीट गहरी ढांक में लुढ़कने के बाद सौल खड्ड में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में चार एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं व अपने एक दोस्त के साथ कार में मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। इनमें से दादी और पोती का शव बरामद कर लिया गया है। जबकि अन्य की तलाश जारी है। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान सुरेंद्र कुमार(40) उसकी माता और बेटा-बेटी निवासी हाड़ा ग्राम पंचायत हाड़ा बोई के रूप में हुई है। जबकि कार चालक की पहचान प्रेमलाल निवासी बाली बटाली ग्राम पंचायत सोझा के रूप में बताई गई है। डीएसपी गुरबचन सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस दल मौका के लिए रवाना हो गया है।
विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के अंतर्गत अनुभाग दाड़लाघाट ,धुंदन, नवगांव व भराड़ीघाट में 16 अप्रैल को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड ई सिस्टम के सहायक अभियंता चमाकडी हरवंश लाल ने बताया कि विद्युत उपमंडल 132 केवी चमाकडी पुल में बिजली के आवश्यक रख-रखाव हेतु प्रात: 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से असुविधा हेतु सहयोग की अपील की है।
उद्योग, परिवहन तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर 15 अप्रैल को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी आज उपायुक्त सोलन के.सी. चमन ने दी। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यातिथि सर्वप्रथम कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं ज़िलावासियों की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यातिथि द्वारा प्रातः 11.00 बजे ठोडो मैदान में ध्वजारोहण किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस तथा होमगार्ड्स की टुकड़ियों द्वारा मार्चपास्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कहा कि इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं एवं अन्य को सम्मानित भी किया जाएगा। के.सी. चमन ने कहा कि कोविड-19 के दृष्टिगत समय-समय पर इस दिशा में जारी निर्देशों के अनुरूप ही जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिए कि समारोह से पूर्व एवं उपरान्त समारोह स्थल को सेनिटाइज किया जाए और सभी से आग्रह किया कि कार्यक्रम में मास्क पहन कर रखें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और अपने हाथ नियमित रूप से सेनिटाईज करते रहें। कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत सभी विभागों को मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करने तथा सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एमसी धर्मशाला काे नए मेयर व डिप्टी मेयर मिल गए हैं। भाजपा के ओंकार नैहरिया अब नगर निगम के नए महापाैर और निर्दलीय पार्षद सर्वचंद उपमहापाैर होंगे। नगर निगम धर्मशाला में मेयर और डिप्टी मेयर की ताजपाेशी के लिए आज प्रस्तावित कार्यक्रम था। जानकारी के अनुसार ओंकार नैहरिया को निर्विरोध चुन लिया गया। वहीं, डिप्टी मेयर के लिए निर्दलीय सर्वचंद गलोटिया और पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी के बीच मुकाबला हुआ। मतदान में सर्वचंद गलोटिया को 11और देवेंद्र जग्गी को 6 मत पड़े। गाैरतलब है कि नगर निगम धर्मशाला में बीजेपी के 8, कांग्रेस 5 और निर्दलीय पार्षद 4 हैं।
उपायुक्त सोलन के.सी.चमन ने विभिन्न विभागों को सम्भावित सूखे की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। के.सी.चमन आज सूखा प्रबन्धन एवं जल की कमी के सम्बन्ध में आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि जिला में सूखे से निपटने के लिए खण्डवार योजना तैयार की जाए ताकि खण्ड विशेष की भौगोलिक स्थिति के अनुसार त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने कृषि विभाग को मौसम के अनुसार फसलों की स्थिति के सम्बन्ध में डाटा तैयार करने के निर्देश दिए और किसानों की सहायता के लिए फसल बीमा जैसे उपाय सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सूखे तथा पानी की कमी के विषय में किसानों को जागरूक किया जाए ताकि सम्भावित आपदा से प्रभावी रूप से निपटा जा सके। उपायुक्त ने पशु पालन विभाग को निर्देश दिए कि जिला में पशुओं की आवश्यकता के अनुसार तुड़ी एवं चारे का प्रबन्ध किया जाए। उन्होंने पशुओं के लिए आवश्यक दवाओं का समुचित भण्डारण करने के निर्देश भी दिए। के.सी. चमन ने वन विभाग को निर्देश दिए कि ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को दावानल के नुक्सानों एवं इन्हें रोकने के उपाओं के विषय में जागरूक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बताया जाए कि अपनी निजी भूमि पर आग लगाने के लिए वन विभाग की अनुमति आवश्यक है और बिना अनुमति के ऐसा करने पर प्रति बीघा 1500 रुपए के जुर्माने का प्रावधान है। और कहा कि वन विभाग आग के समय जंगली जानवरों को रिहायशी क्षेत्रों में आने से रोकने के लिए टीमें तैनात करे। उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि जल जनित रोगों से बचाव के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थान स्तर तक दवाओं का समुचित भण्डारण सुनिश्चित बनाएं और आपातकालीन चिकित्सा टीमें गठित करें। उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि जिला में ऐसे सभी स्थान चिन्हित किए जाएं जहां जल की कमी होने की सम्भावना है। उहोंने प्राकृतिक एवं पारम्परिक जल स्त्रातों की साफ-सफाई सुनिश्चित बनाने तथा जलापूर्ति योजनाओं का समुचित क्लोरिनेशन करने के निर्देश भी दिए और कहा की ऐसी परिस्थिति में सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर, उपमण्डलाधिकारी अर्की विकास शुक्ला, उपमण्डलाधिकारी कसौली डाॅ. संजीव धीमान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अनुराग चन्द्र शर्मा ने आज नगर निगम सोलन के 9 नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर 4 से निर्वाचित पार्षद संगीता ठाकुर, वार्ड नम्बर 7 से निर्वाचित पार्षद पूजा, वार्ड नम्बर 8 से निर्वाचित पार्षद पूनम, वार्ड नम्बर 10 से निर्वाचित पार्षद ईशा पराशर, वार्ड नम्बर 11 से निर्वाचित पार्षद अभय शर्मा, वार्ड नम्बर 12 से निर्वाचित पार्षद ऊषा शर्मा, वार्ड नम्बर 14 से निर्वाचित पार्षद राजीव कुमार, वार्ड नम्बर 15 से निर्वाचित पार्षद संतोष ठाकुर तथा वार्ड नम्बर 17 से निर्वाचित पार्षद सरदार सिंह ठाकुर को शपथ दिलवाई गई। अनुराग चन्द्र शर्मा ने इस अवसर पर उपस्थित सभी पार्षदों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम सोलन के शेष पार्षदों को शपथ 16 अप्रैल, 2021 को प्रातः 11.00 बजे नगर निगम सोलन के हाॅल में दिलाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में काेराेना बेकाबू हाे चुका है। हालांकि लाेग काेविड-19 के नियमों का पालन भी कर रहे हैं लेकिन हर रोज़ कम से कम पांच साै का आंकड़ा पार हाे रहा है। बीते साेमवार काे 1 हजार 89 केस सामने आए थे। आज दाेपहर दाे बजे तक प्रदेश में 148 लाेग पाॅजिटिव आए और चार लाेगाें की माैत भी हाे गई। ऐसे में अब शाम सात बजे की रिपोर्ट आने तक यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। प्रदेश में अभी 5840 एक्टिव केस हैं और 1115 लाेगाें की माैत हाे चुकी है। वहीं, दूसरी तरफ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पिछले कल काेराेना पाॅलिटिव पाए गए और आज उन्हें इलाज के लिए माेहाली एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।
जिला सोलन के ग्रामीण बेरोजगार युवाओं के लिए जिला के सभी विकास खण्डों में रोज़गार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में एसआईएस ट्रेनिंग अकादमी देहरादून द्वारा पात्रता पूर्ण करने वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। यह जानकारी जिला ग्रामीण विकास विभाग के उप निदेशक राजकुमार ने दी। उन्होंने कहा कि यह शिविर प्रातः 10.00 बजे से सांय 04.00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। विकास खण्ड कण्डाघाट में यह शिविर 16 अप्रैल, कुनिहार विकास खण्ड में 17 अप्रैल, धर्मपुर विकास खण्ड में 18 अप्रैल, सोलन विकास खण्ड में 19 अप्रैल तथा नालागढ़ विकास खण्ड में 20 एवं 21अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी देते हुए एसआईएस ट्रेनिंग अकादमी देहरादून के उप समादेशक रामकिशन सिंह ने कहा कि चयन के लिए इच्छुक उम्मीदवार दसवीं उत्तीर्ण होने चाहिएं। उम्मीदवारों की आयु 21 से 37 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चयनित उम्मीदवारों को एसआईएस ट्रेनिंग अकादमी देहरादून में 01 माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। नियुक्ति के उपरान्त उम्मीदवारों को स्थाई नियुक्ति दी जाएगी।
कई सालों से बेरोजगार कला अध्यापक संघ द्वारा प्रशिक्षण लेने के बाद भी सरकार से लगातार अपनी नौकरी की आस गाए जा रहे हैं लेकिन सरकार ने भी उन्हें झूठे आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं दिया। यह बात कह कर उन्हें टाल दिया जाता है कि आप के पदों की भर्ती प्रक्रिया चली हुई है और जल्द ही आपके कला अध्यापकों के पदों को जरूर भरेंगे। कुछ दिन पहले शिक्षा विभाग ने 500 कला अध्यापकों के पदों को भरने हेतु एक फाइल बनाकर वित्त विभाग के पास भेजा था लेकिन वित्त विभाग ने कुछ कारणवश वह फाइल दोबारा से शिक्षा विभाग को भेज दी थी। उसके बाद शिक्षा विभाग ने फिर से या फाइल वित्त विभाग के पास भेजी लेकिन वित्त विभाग ने आज तक आगे की कोई प्रतिक्रिया नहीं की और हैरानी की बात यह है कि वह वित्त विभाग माननीय मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी के पास ही है। बेरोजगार कला अध्यापक के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश भारद्वाज ने कहा कि कई महीनों से कला अध्यापकों के पदों को भरने वाली फाइल शिक्षा विभाग से वित्त विभाग और वित्त विभाग से शिक्षा विभाग के पास ही घूम रही है, गलती किसकी माने सरकार की या शिक्षा विभाग की ? इस पर महासचिव प्रेमदीप कटोच ने कहा कि इससे बढ़िया तो अगर सरकार सभी सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्य को यह पद भरने की लिए अनुमति दे देते तो यह कार्य बहुत ही जल्द खत्म हो जाता और इसी सत्र से से ही सभी सरकारी स्कूलों में कला अध्यापक की नियुक्ति हो जाती। सरकारी स्कूलों में सभी विषयों के अध्यापक ही नहीं है तो बच्चों के माता-पिता भी अपने बच्चों को मजबूरन प्राइवेट प्राइवेट स्कूलों में भेजने के लिए विवश होना पड़ रहा है। 16 मार्च 2021 को सभी बेरोजगार कला अध्यापकों ने विधानसभा में एक जन आक्रोश रैली की थी और उस समय भी माननीय मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने उन्हें आश्वासन दिया था कि अप्रैल महीने में होने वाली कैबिनेट मीटिंग में आप के पदों को मंजूरी दे दी जाएगी लेकिन अभी कुछ दिन पहले अप्रैल में ही एक कैबिनेट मीटिंग हुई जिसमें अन्य पदों को मंजूरी दे दी गई लेकिन कला अध्यापकों के पदों को फिर से दरकिनार किया गया। इसके बाद सभी बेरोजगार कला अध्यापकों ने सरकार के झूठे आश्वासनों से निराश होकर एक बार फिर सरकार से टक्कर लेने के लिए आगे की रणनीति तैयार कर ली है और दोबारा सरकार से एक बार आग्रह किया है कि अगर अप्रैल महीने में कला अध्यापकों के पदों को वित्त विभाग से मंजूरी नहीं दिलाई तो फिर सभी बेरोजगार कला अध्यापकों को बहुत बड़ा कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ेगा जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
हिमाचल परिवहन सेवा निवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच अर्की इकाई की मासिक बैठक जो 15 अप्रैल को कुनिहार में होनी निश्चित हुई थी, अब कोविड-19 की वजह से सरकार व प्रशासनिक दिशा निर्देशों का पालन करते हुए उस बैठक को स्थगित कर दिया गया है। मंच के जिला सचिव रघुनाथ शर्मा व अर्की इकाई अध्यक्ष बलबीर चौधरी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सरकार तथा प्रशासन के दिशा निर्देशों के अनुसार बैठक की अगली समय सारणी तय की जाएगी। उन्होंने सभी पेंशनरों से अपील की है कि सरकार व प्रशासन द्वारा जारी कोविड-19 के नियमो का पालन करें व सुरक्षित रहें।
प्रदेश सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों से पर्यटन कारोबार को होने वाले नुकसान से बचने के लिए नया फार्मूला तैयार किया है। अब प्रदेश की सीमा पर अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों को नहीं रोका जाएगा। न ही किसी स्थान पर कोरोना संबंधी परीक्षण की व्यवस्था रहेगी। होटल के प्रबंधक कोरोना संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित सात राज्यों पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान व उतर प्रदेश से आने वाले पर्यटकों की आरटी-पीसीआर रिपोर्ट देखेंगे। आधार कार्ड से कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट सरकार के पोर्टल पर अपलोड करेंगे। सरकारी पोर्टल पर पर्यटकों की नेगेटिव रिपोर्ट अपलोड करना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था 16 अप्रैल से शुरू की जायगी। स्टेट टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेकहोल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहेंद्र सेठ का कहना है कि पर्यटन से राज्य का हर घर और परिवार जुड़ा है, ऐसे में पर्यटन राज्य में पयटकों के आने पर किसी प्रकार का अनावश्यक प्रतिबंध नहीं लगना चाहिए। क्योंकि पर्यटक केवल होटलों में रहता है। बहुत मुश्किल से प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय पटरी पर लौटने लगा है। मुख्य सचिव अनिल खाची का कहना है कि पर्यटन क्षेत्र के लिए एडवाइजरी जारी की गई है और इसे लागू करने की दिशा में कदम उठाया जा सकता है।
कुनिहार क्षेत्र में एक साथ 10 कोरोना के मामले आने से लोगों में हड़कंप मच गया है। परेशानी की बात यह है कि उक्त मामलों में एक साथ 9 मामले क्षेत्र के कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के हैं जिसको लेकर अभिवावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा की चिंता बढ़ गई है। मंगलवार से प्रदेश शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने जा रही है जिससे पहले ही अधिकतर अध्यापको व अन्य स्टाफ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के एक अध्यापक की रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी व विद्यालय को 48 घंटो के लिए बंद करके सेनिटाइज़ किया गया। एहतियात के तौर पर विद्यालय में कार्यरत सभी स्टाफ का कोरोना टेस्ट भी करवाया गया। प्रधानाचार्य दीपिका शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार ही बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं तय समय पर करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा हॉल के अतिरिक्त सम्पूर्ण विद्यालय को दिन में दो बार सनेटाइज़ करवाया जा रहा है। हैंड सेनेटाइज़ेशन व मास्क के बिना विद्यालय में कोई भी प्रवेश नहीं कर सकता। विद्यालय के मुख्य गेट पर आने जाने वाले सभी स्टाफ, बच्चो एवं अभिवावकों का थर्मल स्कैनिंग कर ही प्रवेश दिया जा रहा है। इसी विषय पर उपमंडलाधिकारी नागरिक विकास शुक्ला ने कहा कि कोरोना संक्रमितों के कारण बोर्ड परीक्षा प्रभावित नहीं होगी। विद्यालय का प्रधानाचार्य ही उक्त परीक्षाओं को करवाएगा। पॉजीटिव आये सभी लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री तैयार कर ली गई है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से घबराने के बजाए एहतियात बरते व सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना करें।
राजकीय उच्च पाठशाला कराड़ाघाट के छात्र का एनएमएमएस परीक्षा में छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। विद्यालय के मुख्याध्यापक हरि प्रकाश शर्मा ने बताया कि कक्षा आठवीं का छात्र निखिल ठाकुर शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण राज्य परिषद सोलन द्वारा प्रायोजित एनएमएमएस की परीक्षा में शामिल हुआ था। इस छात्र ने इस परीक्षा में उत्कृष्ट अंक लेकर विद्यालय व क्षेत्र का नाम ऊंचा किया है और छात्रवृत्ति की पात्रता में अपना नाम शामिल किया है। प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि के लिए निखिल ठाकुर को तथा उसके अभिभावकों को बधाई दी है, उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय निखिल को पढ़ाने वाले अध्यापकों को देते हुए अन्य छात्रों को भी कड़ी मेहनत कर निखिल से प्रेरणा लेने की सलाह दी है।
जनजातीय उपमंडल पांगी के साच घराट-साच मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। इस कार दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग गम्भीर रूप से घायल हुए है। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायलों का सिविल अस्पताल किलाड़ में उपचार चल रहा है। जहां गंभीर रूप से एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद कुल्लू रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना में मरी महिलाओं के शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार साच घराट से साच गांव की ओर जा रही पिकअप कुमार पुल के समीप अचानक चालक के नियंत्रण खो देने से नीचे नाले में जा गिरी परिणाम स्वरूप इसमें सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन को गिरता देख मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही पुलिस को सूचित किया। सूचना पाते ही किलाड़ पुलिस थाना से टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों के सहयोग से नाले से मृतक महिलाओं के शवों को बाहर निकाला। डीएसपी हेड क्वार्टर अजय कुमार ने साच घराट मार्ग पर वाहन के नाले में गिरने से तीन महिलाओं की मौत और चार के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मंडी में मंडी व कुल्लू जिलों की कोविड-19 स्थिति की समीक्षा बैठक में कहा की कोविड मामलों में तेजी से हो रही वृद्वि के दृष्टिगत राज्य में स्वास्थ्य अधोसरंचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। भंगरोटू और मदर चाईल्ड अस्पताल मंडी में बनने वाले प्री-फैब्रिकेटिड अस्पताल का कार्य जल्द शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए ताकि जिला में ऑक्सीज़न युक्त बेड क्षमता को बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा बसों व अन्य सार्वजनिक परिवहन की प्रभावी सेनिटाईजेशन सुनिश्चित की जानी चाहिए। दुकानदारों को भी यह सुनिश्चित करना चाहिए कि नो मास्क, नो सर्विस पाॅलिसी का कड़ाई से पालन किया जाए। निजी बस ऑपरेटर्स द्वारा भी बसों की उचित सेनिटाईजेशन के साथ-साथ सवारियां निर्धारित संख्या में ही बिठाई जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए की सामाजिक समारोहों जैसे विवाह आदि के लिए निर्धारित अधिकतम संख्या का सख्ती से पालन किया जाए। यदि आवश्यक हो तो उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को कोविड के मामले बढ़ने पर उपचार की मांग को पूरा करने के संबंध में पर्याप्त प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि लोगों को फेस मास्क और हैड सेनेटाईजर का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़भाड़ से बचना चाहिए। मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थानों पर भी नियमों का प्रभावी तरीके से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जिला कुल्लू एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य है जहां प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में पर्यटक आते हैं। जिले में आ रहे पर्यटकों द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। सभी दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू कर उनका पालन किया जाना चाहिए। आयुर्वेद विभाग द्वारा होम आईसोलेशन में रह रहे मरीजों को काढ़ा उपलब्ध करवाया जाना चाहिए और काढ़े को सही तरीके से पीने के लिए उनका मार्गदर्शन भी किया जाना चाहिए। और कहा कि शहरी क्षेत्रों में सफाई कर्मियों द्वारा स्वच्छता अभियान भी चलाया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटक मणिकर्ण, कसोल, मनाली इत्यादि पर्यटन स्थलों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा कि टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाया जाना चाहिए क्योंकि कोरोना वायरस से बचाव के लिए यह एक प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सक, पैरा मेडिकल स्टाफ तथा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। होम आईसोलेशन में रह रहे मरीजों के स्वास्थ्य पर निगरानी के लिए उपयुक्त प्रणाली विकसित की जानी चाहिए। उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बैठक में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि जिले में एक लाख 33 हजार 878 नमूने लिए गए हैं जिनमें से 443 सक्रिय मामले हैं और पाॅजिटिविटी दर 8.25 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.12 प्रतिशत है। जिले में 51 प्रतिशत मामले शहरी क्षेत्रों के हैं और मंडी शहर में ही 25 प्रतिशत मामले हैं। उन्होंने कहा कि अब तक टीकाकरण के दौरान जिले में एक लाख 64 हजार 280 कोविड-19 टीकाकरण की खुराकें दी जा चुकी हैं। जिले में कोविड-19 मरीजों के लिए 583 बिस्तरों की कुल क्षमता है। जिले में ऑक्सीज़न युक्त बिस्तरों की क्षमता 323 है यह बीबीएमबी अस्पताल सुंदरनगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रत्ती, भंगरोटू के प्रीफेब्रिकेटिड अस्पताल, मातृ-शिशु अस्पताल सुंदरनगर तथा मातृ-शिशु अस्पताल मंडी में बढ़ाई जा सकती है। उपायुक्त कुल्लू डाॅ. रिचा वर्मा ने कुल्लू से बैठक में वर्चुअल माध्यम से भाग लेते हुए कहा कि जिले में कोविड-19 मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और जिले में अधिकतर मृत्यु कोविड-19 तथा अन्य गंभीर बीमारियों के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि अब तक जिले में 57 हजार 612 टीकाकरण खुराक दी जा चुकी है। जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों तथा निजी स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण किया जा रहा है। मरीजों के स्वास्थ्य संबंधित जरूरतों के लिए जिले में मजबूत एवं पर्याप्त अधोसंरचना सृजित की गई है। होम आईसोलेशन में रह रहे व्यक्तियों को जानकारी देने के लिए पंचायती राज संस्थानों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को शामिल करने के लिए प्रभावी प्रणाली भी विकसित की गई है और जिला में होम आईसोलेशन प्रणाली को भी सुदृढ़ किया गया है। द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, अतिरिक्त दंडाधिकारी श्रवण मांटा, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय नेरचैक के प्रधानाचार्य डाॅ. आरसी ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डाॅ. देवेन्द्र ठाकुर तथा जिले के अन्य अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर की तीन छात्राओं प्रीति, रिया व रोशनी ने SCERT सोलन द्वारा आयोजित NMMS परीक्षा 2020 की मैरिट सूची में स्थान बना कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय प्रधानाचार्य नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि इन छात्राओं को प्रतिवर्ष 12000/ -रु केंद्र सरकार छात्रवृति प्रदान की जाएगी। पिछले सात वर्षों से स्थानीय विद्यालय के शिक्षक रमेश अरोड़ा के मार्गदर्शन में विद्यालय के करीब 25 छात्र छात्राएं यह छात्रवृति प्राप्त कर चुके है। विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान कर्म चन्द, समिति के सदस्यों व विद्यालय के अध्यापक वर्ग ने विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि के लिए रमेश अरोड़ा व छत्राओं को बधाई दी।
प्रदेश के जिला कुल्लू में हुए सड़क हादसे में मंडी के दंपति की मौत हो गई। उपमंडल बंजार के तहत आने वाले घियागी गांव के समीप जलोड़ा में सोमवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर 150 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पति पत्नी की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया। हादसा गाड़ी में ब्रेक न लगने के कारण हुआ है। जानकारी के अनुसार सोमवाार सुबह पांच बजे बंजार की तरफ आ रही एक कार एचपी 33 बी 4782 जलोड़ा केपास अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन ब्रेक नहीं लगी। कार में पांच लोग सवार थे। ऐसे में कार 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जिसमें योगेश्वर शर्मा 55, पुत्र मकरध्वज शर्मा, निवासी वार्ड नंबर दस थनेड़ा मेहाल, और उसकी पत्नी लता शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। कवि शर्मा 24 पुत्र योगेश्वर शर्मा गांव थनेड़ा, मेहाल, वार्ड नंबर 10, मंडी, नम्रता गौतम 29, पत्नी परवेश सक्सेना, गांव मंडी बिजणी, वार्ड नंबर एक, जिला मंडी और प्रियांक सक्सेना 1, पुत्र परवेश सक्सेना, वार्ड नंबर दस, गांव थनेड़ा, जिला मंडी घायल हो गए। वहीं मार्च महीने में इसी जगह पर हादसा हुआ था। जिसमें पति पत्नी की मौत हो गई थी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भण्डारी ने कहा कि ट्राइबल भवन द्वारा जारी की गई अधिसूचना जिसमें भवन के कमरो के किराए 3 गुना बढ़ाए गए हैं हम कड़ा विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि ये बहुत ही शर्म की बात है की इस वेश्विक महामारी के समय सरकार पीड़ित जनता की जेब खाली कर अपने गोदाम भरने के कार्य में जुटी हुई है। भवन मूल रूप से विद्यार्थियों, मरीज़ो व कम आमदानी वाले वर्ग के लोगों द्वारा इस्तेमाल होता है। शिमला का जनजातीय भवन जिसे हिमाचल प्रदेश के पूर्व पशुपालन मंत्री श्री फुनच्चोक राय के द्वारा आमजन की सुविधा के लिए खोला गया। मात्र 100 रुपए में लोगों को ठहरने के लिए कमरे मिल जाते थे लेकिन आज इसे बढ़ाकर 300 रुपए कर दिया गया और पहले छात्र संगठनों के लिए कम्युनिटी हाल 3000 में उपलब्ध होता था उसे अब 8000 कर दिया गया और सेक्युइरिटी 10000 से बढ़ाकर 15000 कर दिया गया।आज जब पूरा देश कोरोना की मार झेल रहा है ऐसे में किराए बढाना सरासर अमानवीय है। उन्होंने कहा कि यह सरकार शुरुआत से ही जनजातीय लोगों के विरुद्व काम करती आई है। विकास कार्यो में 2011 की जनगणना के अनुसार हिमाचल प्रदेश की जनसंख्या 6864602 है जिनमें से 392126, 5.71 प्रतिशत अनुसूचित जनजातियों के हैं। यह आँकड़ा देख कर आप समझ सकते है कि सरकार का रवेया ऐसा क्यूँ है वो इस 5 प्रतिशत आबादी के बारे में क्यूँ सोचे, इनका भला देखने में उनको क्या फ़ायदा होगा। बस इस फ़ायदे की राजनीति में जनजातीय लोगों का उत्पीड़न होता आ रहा है। दुर्गम जनजातीय क्षेत्रो केअच्छे अस्पताल और शिक्षा केंद्रो की कमी के कारण किन्नौर, लाहौल स्पिति, भरमौर व अन्य जनजातीय क्षेत्रो से हज़ारो लोग हर साल शिमला आते है। घर से दूर आए इन लोगो के लिए ट्राइबल भवन आश्रय का एकमात्र सहारा है जिसे यह सरकार छीनने की पुरज़ोर कोशिश कर रही है। हम कड़े शब्दो में सरकार के इस कदम की आलोचना करते है और जब तक यह दरे कम ना की जाए हम इसके विरोध में खड़े रहेंगे। विपदा की इस घड़ी में प्रदेश युवा कॉंग्रेस जनजातीय क्षेत्र के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार के विरुद्व लड़ेगी।
बनीखेत यूथ क्लब ने ज्वाला माता चौक व बनीखेत बाजार में स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवीयो ने सड़क किनारे नालियों व उसके आसपास से प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर निष्पादित किया। यूथ क्लब के 25 सदस्यों ने इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस अभियान में ग्राम पंचायत प्रधान अरुण राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पंचायत युवाओं के साथ मिलकर बनीखेत को जल्द ही निर्मल पंचायत बनाएंगे। इस मौके पर यूथ क्लब के उपाध्यक्ष अंतरिक्ष शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। रविवार को बनीखेत बाजार को प्लास्टिक मुक्त किया गया, बनीखेत यूथ क्लब के सदस्यों ने बनीखेत बस स्टैंड और साथ लगते इलाकों में सफाई अभियान शुरू किया। इस अभियान में बनीखेत यूथ क्लब के सभी सदस्यों ने मिलकर एकजुटता दिखाते हुए लोगों को मिसाल पेश की है, कि कोई भी काम मुश्किल नहीं होता मुश्किल है सिर्फ सबका एक साथ होना। बनीखेत यूथ क्लब के उपाध्यक्ष अंतरिक्ष ने बताया कि यूथ क्लब की ओर से प्रत्येक रविवार को स्वस्थ अभियान अभियान चलाया जा रहा है और उनके आसपास के इलाकों में सफाई करके स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। यूथ क्लब बनीखेत के सदस्य विकास गुलाटी, जगजीत सिंह ठाकुर, अभिनव ठाकुर व विमल कुमार मौजूद रहे ।
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में एक रहस्यमयी शिव मंदिर है, जिसकी गुत्थी आज तक कोई नहीं सुलझा पाया। ऊंची पहाड़ियों पर स्थित इस मंदिर पर पार्वती, व्यास पार्वती और व्यास नदी का संगम भी है। पौराणिक कथा के अनुसार यहां की विशालकाय घाटी सांप के रुप में है, जिसका वध महादेव के द्वारा किया गया था। हर 12 साल में भगवान इंद्र भोलेनाथ की आज्ञा लेकर यहाँ बिजली गिराते हैं। जिस स्थान पर मंदिर स्थित है उसके गर्व गृह में शिवलिंग स्थापित है और उसी शिवलिंग पर हर 12 साल में आकाशीय बिजली गिरती है, लेकिन इसके बाद भी मंदिर को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होता। बिजली गिरने से शिवलिंग खंडित हो जाती है और टुकड़े-टुकड़े हो जाते हैं। पुजारी को सपना होता है कि टुकड़े यहाँ-वहां गिरे हुए हैं। पुजारी उन टुकड़ों को इकठ्ठा करता है, मक्खन से उन टुकड़ों को जोड़ता है और शिवलिंग एक बार फिर ठोस रूप में परिवर्तित हो जाती है। कुल्लू में महादेव प्रिय देवता हैं। कहीं वें सयाली महादेव हैं तो कहीं ब्राणी महादेव। कहीं वे जुवाणी महादेव हैं तो कहीं बिजली महादेव। बिजली महादेव का अपना ही महत्व व इतिहास है। ऐसा लगता है कि बिजली महादेव के इर्द-गिर्द समूचा कुल्लू का इतिहास घूमता है। हर मौसम में दूर-दूर से लोग बिजली महादेव के दर्शन करने आते हैं। कुल्लू के नाम में छुपी है बिजली महादेव की कथा कुल्लू जिला और बिजली महादेव में गहरा नाता है, देव संस्कृति की इस घाटी में हालांकि भगवान रघुनाथजी यहां के अधिष्ठाता हैं, लेकिन बिजली महादेव को ही बड़ा देव माना जाता है। इसका कारण कुल्लू के नामकरण में बिजली महादेव का बड़ा योगदान रहा है, जिन्होंने घाटी को कुलांत नामक दैत्य के भय से मुक्त किया था। प्राचीन काल में यहां का नाम कुलांत व कुलूत देश पड़ा और बाद में कुल्लू बन गया। मान्यता है कि सदियों पहले इस क्षेत्र में कुलांत राक्षस का आतंक था, जिसने एक समय में विशाल अजगर का रूप धारण कर लिया। वह ब्यास व पार्वती नदी के संगम पर कुंडली मारकर बैठ गया। बताया जाता है कि उसका इरादा नदी का बहाव रोककर इलाके को जलमग्न करने का था, ताकि यहां का जन-धन सब पानी में डूब जाए। ऐसे में भगवान शिव बीच में आए और उन्होंने अजगर को बहकाकर उसका फन कुचल दिया। जिस जगह पर उसका शरीर था, वह विशाल पहाड़ के रूप में बदल गया। कुल्लू घाटी में बिजली महादेव से लेकर रोहतांग दर्रा और मंडी के घोग्घरधार तक की घाटी कुलांत के शरीर से निर्मित मानी जाती है। इसलिए पड़ा नाम बिजली महादेव आकाशीय बिजली शिवलिंग पर गिरने के बारे में कहा जाता है कि शिव नही चाहते थे कि बिजली गिरे तो जनमानस को नुकसान हो इसलिए शिव ने लोगो को बचाने के लिए अपने ऊपर गिरवाते हैं। इसी वजह से भगवान शिव को बिजली महादेव कहा जाता है। इस रमणीय स्थान को 10 किलोमीटर सफर तय करके पहुंचा जाता है। पुरी होती है श्रद्धालुओं की हर मनोकामना बिजली महादेव में जो श्रद्धालु सच्चे मन से दर्शन करने आते हैं उनकी मनोकामना पूर्ण होती है। महादेव के दर्शन करने के लिए हर वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते है। इस शिवमंदिर के दर्शन करने के लिए देश के हर कोने से लोग आते है। मार्च से सितंबर दर्शन के लिए उपयुक्त सुखद मौसम के कारण बिजली महादेव मंदिर की यात्रा करने का अच्छा समय मार्च से सितंबर तक के महीनों का माना जाता है। सर्दियों में कुल्लू बर्फ से ढक जाता है और इस दौरान लगातार बर्फबारी भी देखने को मिलती है। महाशिवरात्रि के दौरान मंदिर की यात्रा करने की सलाह दी जाती है क्योंकि इस दौरान मंदिर में उत्सव का आयोजन होता है और इसे खूबसूरती से सजाया जाता है। बिजली महादेव का रास्ता लगभग 6 महीनों के लिए बंद रहता। सितम्बर माह के बाद ठण्ड का प्रकोप इस पहाड़ी पर बढ़ जाता है। अक्टूबर महीने से बिजली महादेव में बर्फबारी का दौर शुरू हो जाता है। माना जाता है कि नवंबर के बाद बिजली महादेव तक पहुंचना काफी मुश्किल होता है। बताया जाता है कि बिजली महादेव के मंदिर तक जाने वाला रास्ता बेहत खराब है। बरसात में इस रास्ते में चलना बेहद कठिन है, लेकिन गर्मी के समय में यहाँ पर आसानी से पहुंचा जा सकता है। कैसे पहुंचते है बिजली महादेव बिजली महादेव मंदिर तक पहुँचने के लिए कुल्लू से जाना पड़ता है। कुल्लू में रहने वाले लोग आमतौर पर चंसारी गांव के माध्यम से मंदिर तक जाते हैं जो कुल्लू से लगभग 24 किमी दूर है। गाँव में पहुँचने के बाद गाँव के प्रवेश द्वार से सीढ़ियों पर चढ़ना पड़ता है, जो मंदिर से लगभग 3 किमी दूर है और लगभग 1000 सीढ़ियाँ चढ़कर भक्त मंदिर तक पहुँच सकते हैं। प्रवेश द्वार से मंदिर तक पहुंचने में 45 मिनट से 1 घंटे तक का समय लगता है। सीढ़ियां लोगों को सीधे मंदिर तक ले जाती हैं, इसलिए इस मार्ग से जाना बेहद आसान है। यहां हर वर्ष टूरिस्ट व श्रद्धालु सावन माह और शिवरात्रि को जाते हैं। सावन माह में यहां मेला लगता है। मंदिर में पहाड़ी शैली की झलक बिजली महादेव मंदिर की वास्तुकला में पहाड़ी शैली की झलक देखी जा सकती है, जो पारंपरिक लकड़ी से निर्मित है। मंदिर के प्रवेश द्वार पर भगवान शिव के वाहन नंदी बैल और शिव परिवार से संबंधित प्राचीन प्रतिमायें है। मंदिर में 60 फ़ीट ऊँचा खंबा स्थापित है, जो सूर्य की रौशनी में चाँदी की सुई की भांति चमकता है। मंदिर के आस-पास हरी-भरी घाटी का दृश्य मनोरम है, जो प्रकृति की मध्य शांति और सुकून तलाश रहे लोगों के लिए स्वर्ग सदृश्य है।
हैकर्स ने ऑनलाइन लूट करने का नया तरीका खोज निकाला है। अब आपको पता भी नहीं चलता है और आपके खाते से पूरी राशि निकाल ली जाती है। बाद में जब तक आपको लूट का पता चलता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। आज कल सिम स्वैप का इस्तेमाल करके हैकर्स बैंकिंग धोखाधड़ी कर रहे हैं। इसमें वह आपके मोबाइल नंबर से दूसरा सिम हासिल करके धोखाधड़ी को अंजाम देते हैं। हालांकि, कुछ सावधानियां अपनाकर आप इन चीजों से खुद को बचा सकते है। कैसे काम करता है सिम-स्वैप आपके मोबाइल नंबर से दूसरा सिम लेने की प्रकिया ही सिम-स्वैप कही जाती है। ऐसा हम तब करते हैं, जब हमारी पुरानी सिम खराब हो गई होती है और उसका मोबाइल नंबर सभी दस्तावेजों में दर्ज होता है। तब हम सिम ऑपरेटर से उसी नंबर की दूसरी सिम जारी करने को कहते हैं। धोखाधड़ी करने वाले लुटेरे सोशल मीडिया या डार्क वेब जहां बहुत सस्ते में सूचनाएं उपलब्ध हैं वहां से आपका मोबाइल नंबर हासिल करते हैं। इसके बाद साइबर हमला कर आपका फोन बंद कर दिया जाता है। फोन बंद करने के बाद मोबाइल फोन खोने, हैंडसेट या सिम के टूट जाने का बहाना बनाकर हैकर्स मोबाइल सर्विस प्रोवाइड से संपर्क करते हैं और नया सिम जारी करने को कहते हैं। सिम मिलने के बाद आसानी से होता है लेन-देन एक बार जब दूरसंचार कंपनी आपकी बजाय हैकर्स को सिम दे देती है। तब उनके लिए आपके खाते से पैसे निकालना बहुत आसान हो जाता है। हैकर्स आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की मदद से बैंक की पूरी जानकारी निकाल लेते हैं और ओटीपी की मदद से बैंक से पूरे पैसे भी निकाल लेते हैं। साइबर हमले से मिलती है खाते की जानकारी फिशिंग, ट्रोजन या मैलवेयर के माध्यम से हैकर आपके बैंकिंग अकाउंट और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की जानकारी पाते हैं। इसके लिए मोबाइल एसएमएस या ईमेल का इस्तेमाल करते हैं। कई बार सोशल मीडिया पर मैसेज भेजकर भी वह इस काम को अंजाम देते हैं। सोशल मीडिया पर मोबाइल नंबर या ईमेल जैसी जानकारी सार्वजनिक करने से बचें। किसी अनजान कॉल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे जन्म तिथि, बैंक खाता नंबर, आधार नंबर आदि देने से भी बचना चाहिए। मोबाइल में यदि काफी समय से नेटर्वक नहीं आ रहा या एसएमएस नहीं आ रहा है तो तुरंत दूरसंचार कंपनी के कस्टम केयर पर संपर्क करें और इसकी वजह जानें। रिजर्व बैंक और IRDA नहीं करते कोई मैसेज ज्यादातर धोखाधड़ी बीमा की राशि देने के नाम पर होती है। वहीं धोखाधड़ी करने वाले बैंक खाते की जानकारी रिजर्व बैंक के नाम से हासिल करते हैं। आपको यह जानना चाहिए कि IRDA बीमा क्षेत्र का नियामक है उसका काम बीमा कंपनियों पर नजर रखना है। यह किसी तरह की राशि ग्राहक के खाते में नहीं भेजता है। इसी तरह रिजर्व बैंक बैंकिंग क्षेत्र का नियामक है और वह आपसे खाते की जानकारी नहीं मांगता या आपके खाते में पैसा नहीं भेजता है। ऐसे में रिजर्व बैंक या IRDA के नाम से कोई कॉल करके जानकारी मांगे तो तुरंत सावधान हो जाएं।


















































