हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने कोरोना के कारण यूजी के प्रथम और द्वितीय वर्ष के हजारों विद्यार्थियों को प्रमोट कर दिया है। प्रथम और द्वितीय वर्ष के करीब 90 हजार छात्र-छात्राओं को प्रमोट किया गया। इनके परिणाम को वेबसाइट और विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। विद्यार्थी अपने दिए गए लॉगिनआईडी से परिणाम देख सकते हैं, और अंक तालिका डाउनलोड कर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों को कोरोना काल में यूजी प्रथम और द्वितीय वर्ष में इंटरनल असेसमेंट नहीं मिला होगा या कम होगा, उनको प्रमोट नहीं किया गया। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने बताया कि प्रथम और द्वितीय वर्ष के करीब 90 हज़ार छात्र-छात्राओं को प्रमोट कर परिणाम घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कॉलेजों से इंटरनल असेसमेंट और पिछली परीक्षा के आधार पर ही प्रमोशन दिया गया है। जिन छात्रों को असेसमेंट नहीं मिला या बहुत कम अंक मिले हैं, उन्हें प्रमोट नहीं किया गया है।
धर्मशाला में 1 अप्रैल को 95 नए कोरोना संक्रमित मामले सामने आए हैं। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। धर्मशाला में कोरोना के बढ़ते मामलों से लोगों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने बढ़ते मामलों को देखते हुए मैक्लोडगंज को कंटेनमेंट व बफर जोन बनाया था, लेकिन इस अधिसूचना को कुछ ही समय के बाद निरस्त कर दिया गया। नगर निगम के चुनाव इस अधिसूचना के निरस्त होने की बड़ी वजह है जिससे लोगों में कोरोना को लेकर दहशत बढ़ती जा रही है। लोग अपने उम्मीदवारों के प्रचार प्रसार के लिए नुक्कड़ सभाएं, जनसभाएं कर रहे हैं, जिससे भीड़ एकत्रित हो रही है। ऐसे में नगर निगम चुनाव के दौरान कोरोना के मामले धर्मशाला शहर में ज्यादा बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं, कंफर्म मामले 9578 तथा रिकवरी अब तक 8735 हो चुकी है,जबकि 616 एक्टिव मामले हैं, और 225 लोगों ने कोरोना के चलते अपना दम तोड़ दिया है। ऐसे में धर्मशाला व मैक्लोडगंज में सबसे ज्यादा मामले सामने आएं हैं और 17 अलग-अलग वार्डों से भी कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की पुष्टि हो रही है।
सिरमौर जिला से भाजपा के विभिन्न पदों पर रही पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष दयाल प्यारी ने आज कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने आज नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस मुख्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन बंसल व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के समक्ष कांग्रेस पार्टी में शामिल हुई। उल्लेखनीय है कि दयाल प्यारी भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी के महत्वपूर्ण विभिन्न पदों पर रही। पिछले 15 सालों से दयाल प्यारी जिला परिषद के सदस्य के तौर पर विभिन्न वार्डो से जीतती रही है। पिछले विधानसभा चुनावों में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट की सशक्त दावेदार थी, पर अंतिम समय मे टिकट कटने की बजह से आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ी और साढ़े बारह हजार से अधिक मत प्राप्त किए थे। कांग्रेस का हाथ थामने के बाद दयाल प्यारी ने कहा कि अब वह कांग्रेस की कार्यकर्ता के तौर पर संगठन की मजबूती के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही तुष्टीकरण की राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि अब वह कांग्रेस से जुड़ गई है, और पूरे तन मन से प्रदेश में कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही देश व प्रदेश की एक ऐसी पार्टी है जिसके हाथों देश पूरी तरह सुरक्षित है और जिसने सभी वर्गों के उत्थान के लिए अनेकों कल्याणकारी योजनाएं व कार्यक्रम चलाए जिसकी बजह से आज देश व प्रदेश का सर्वांगीण विकास हुआ है। दयाल प्यारी ने कांग्रेस पार्टी में शामिल करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं राजीव शुक्ला, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का आभार जताते हुए कहा है कि इन नेताओं की प्रेरणा से कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है।
विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के अंतर्गत अनुभाग नवगांव के गांव चाखड़, बुघार, चमरोल, सुहानी, नेहर, पवाब, पारनु,बडाल में 2 अप्रैल को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। सहायक अभियंता दाड़लाघाट मनमोहन सिंह चंदेल ने बताया कि लाइन के आवश्यक रख रखाव व मुरम्मत हेतु प्रातः 10 बजे से 5 तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।उन्होंने सभी संबंधित लोगों से असुविधा हेतु सहयोग की अपील की है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू किया गया है। इस चरण में 45 से 59 वर्ष की आयु में गंभीर बीमारी वाले 6850 रोगियों को पहली खुराक दी गई और 60 वर्ष से अधिक आयु के 1 लाख 68 हजार 973 लोगों को कोविड वैक्सीन दी गई। इसी तरह कोरोना वैक्सीन की दूसरी खुराक 58 हजार 443 स्वास्थ्य कर्मचारियों और 23 हजार 365 फ्रंट लाइन वर्कर्स को दी गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना महामारी के दौरान कोरोना वारियर्स, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, आउटसोर्स और सफाई कर्मचारी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित करके प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य के सभी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए इस वित्तीय वर्ष में स्वास्थ्य बजट में 11 प्रतिशत की वृद्धि की है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत जिला के विभिन्न स्थानों पर डिजिटल माध्यम से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्राधिकरण द्वारा मार्च माह विभिन्न विषयों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। यह जानकारी जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन की सचिव गुरमीत कौर ने गत दिवस दी। गुरमीत कौर ने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा कण्डाघाट विकास खण्ड की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुफ्टू में बच्चों को उनके अधिकार व बाल श्रम, बाल शोषण के बारे में जानकारी प्रदान की गई। शेल्टर होम कथेड़ सोलन के बच्चों को ‘गूड टच व बैड टच’, सड़क सुरक्षा नियम व नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता शिविरों में इस माह ग्राम पंचायत कैंडोल, मंडेसर, बढलग, आंजी मातला, महलो, चामियां, कनैर, रणो तथा बाघा करोग में लोगों को कोविड-19 से सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, घरेलू हिंसा के बारे, न्यायालय की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को नालसा स्कीम व 10 अप्रैल को आयोजित की जाने वाली वाली लोक अदालत के बारे में भी लोगों को अवगत करवाया गया। गुरमीत कौर ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढांग, बिशा, घैंटी, धूंधन, परवाणू तथा कोठी देवरा में बच्चों को डिजिटल माध्यम से विभिन्न कानूनों की जानकारी प्रदान की गई। बच्चों को मौलिक अधिकारों, नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव, बाल श्रम, सड़क सुरक्षा नियम व कोविड-19 से सुरक्षा के बारे में जानकारी प्रदान की गई। माह के दौरान अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीच्यूट सोलन की महिलाओं तथा ग्राम पंचायत कोटबेजा, सनवारा, कोटला द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि सोलन जिला की उपमण्डल स्तरीय विधिक सेवाएं समितियों द्वारा भी इस दिवस को मनाया गया जिसमे महिलाओं को उनके अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता व घरेलू हिंसा अधिनियम के बारे में जानकारी प्रदान की गई। शिविर में पीड़ित मुआवजा योजना की भी जानकारी प्रदान की गई। जिला कारागार सोलन की महिलाओं के साथ भी अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर बनाई गई वीडियो को साझा किया गया। उन्होंने कहा कि भारत का अमरूत महोत्सव ग्राम पंचायत सपरून, किशनपूरा, थाना के आदिवासी लोगों के साथ मनाया गया आदिवासियों के अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। जेल अधीक्षक सोलन के साथ डिजिटल माध्यम से कैदियों को उनके अधिकारों, प्ली बारगेनिंग, निःशुल्क निकानूनी सहायता तथा कोविड-19 के बारे में जानकारी प्रदान की गई। गुरमीत कौर ने कहा कि माह के दौरान कण्डाघाट में वैजिटेबल कुलैक्शन सेंटर क्यारी की महिलाओं के साथ कानूनी जागरूकता शिविर में महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता, पीड़ित मुआवजा योजना(राज्य वनालसा), मध्यस्थता, घरेलू हिंसा, मोटर वाहन अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम के बारे में जानकारी प्रदान की गई। सोलन जिला के विकास खण्ड धर्मपुर में खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर के सहयोग से धर्मपुर की 26 ग्राम पंचायतों में डिजिटल माध्यम से शिविर आयोजित किए गए। शिविर में लोगों को डिजिटल माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता, पंचायती राज संस्थाओं की न्यायिक शक्तियां, पीड़ित मुआवजा योजना, नशीली दवाओं के शिकार लोगों के लिए कानूनी सेवाएं योजना, कोविड-19 से बचाव तथा मध्यस्थता एवं लोक अदालत के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा इस माह 01 पीड़ित प्रतिकर बालिका मुआवजा राशि प्रदान की गई है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा डीएलएसए सोलन के नाम से बने यू-टयूब चैनल के माध्यम विभिन्न कानूनों के बारे में जानकारी प्रदान की गई है। गुरमीत कौर ने कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन के दूरभाष नम्बर 01792-220713 पर किसी भी कार्य दिवस पर प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
कोविड-19 महामारी से बचाव से लिए किए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक सोलन जिला में 30105 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया है। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ.राजन उप्पल ने दी। डाॅ.उप्पल ने कहा कि जिला में टीकाकरण के लिए पंजीकृत किए गए 9707 स्वास्थ्य कर्मियों में से 7836 को कोविड-19 से बचाव के लिए प्रथम तथा 4846 को द्वितीय खुराक दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पंजीकृत 3500 फ्रंटलाईन वर्कर में से 2345 को पहली तथा 1139 को दूसरी खुराक दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 13939 व्यक्तियों को कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण की पहली खुराक दी गई है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए द्वितीय खुराक के रूप में टीकाकरण 06 से 08 सप्ताह के उपरान्त किया जाएगा। आरटीपीसीआर परीक्षण के लिए ठोडो मैदान सोलन में सैम्पलिंग ली जा रही है। सैम्पलिंग के लिए इच्छुक व्यक्ति प्रतिदिन प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक सैम्पलिंग के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। कोविड जांच के लिए इच्छुक व्यक्तियों की दोपहर 12.00 बजे से 1.00 बजे तक सैम्पलिंग ली जाएगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सही तरीके से मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और अपने हाथ-हाथ बार-बार साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से धोते रहें। खांसी, जुखाम, बुखार होने पर पुरन्त अपने समीप के स्वास्थ्य संस्थान में जांच करवाएं।
पूर्व मुख्यमंत्री के निवास समीरपुर में युवा भाजपा नेता आशीष महाजन की अगुवाई में अब तीन दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत कांग्रेश बूथ अध्यक्ष और कांग्रेस यूथ अध्यक्ष भाजपा में शामिल है। सुजानपुर विधानसभा लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ समय पूर्व ही हुए पंचायती राज चुनावों में मिली करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस पार्टी का पारम्परिक वोट बैंक भी टूटकर भाजपा में शामिल हो रहा है। सुजानपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो० प्रेम कुमार धूमल के करिश्माई नेतृत्व का जलवा खूब ज़ोर शोर से चल रहा है, तो कांग्रेस पार्टी चारों खाने चित्त हो पड़ी है। बुधवार देर शाम सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों पनोह, थाना धबड़ियाणा और चलोह के करीब तीन दर्जन कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता आशीष महाजन की अगुवाई में पूर्व मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मर्जी से भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी लोगो को पार्टी का पटका पहनाकर विधिवत रूप से भाजपा में शामिल किया। उन्होंने भाजपा में शामिल होने वाले सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कांग्रेस को छोड़कर भारतीय जनताा पार्टी में शामिल होने वालों में कांग्रेस पार्टी के पंचायत पनोंह के बूथ अध्यक्ष प्रीतम सिंह और इसी पार्टी के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ बग्गू भी विधायक राजेंद्र राणा और कांग्रेस पार्टी का साथ छोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। इसके साथ इस पंचायत के रवि कुमार, कृष्ण्ण कुमार, धर्म सिंह, टेक चंद, सुभााष चंद्र, फितू राम, सुरजीत सिंह, सुरेश कुमार, दलजीत सिंह, पंचायत थाना धबड़ियाणा से जितेंद्र कुमार राम सिंह, जोगीदास, प्रकाशा देवी, विमला देवी, अनिता कुमारी, गुड्डी देवी, अंजू कुमारी, निशा देवी, तारो देवी, प्रमिला, सीमा, प्रवीण कुमारी और पंचायत चलोह से पूूजा देवी, मीरा देवी, विद्या देवी, अशोक कुमार और सुमन कुमारी सहित दर्जनों कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा है कि कांग्रेस पार्टी और विशेष रूप से विधायक राणा लगातार पार्टी के कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहेे हैं, विगत चुनावों में उन्होंने राणा को जितवा कर बहुत बड़ी गलती की थी, जिसका वह खामियाजा आज तक भुगत रहे हैं। वह अब पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल केे नेतृत्व में आस्था जताते हुए भाजपा में शामिल हो गए हैं । पार्टी द्वारा उन्हें जो भी कार्य दिया जाएगा वह उसका बखूबी निर्वहन करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि नगर निगम सोलन के स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव के लिए समर्पित होकर कार्य करें। केसी चमन ने नगर निगम सोलन के निर्वाचन के लिए नियुक्त पीठासीन अधिकारियों, सेक्टर ऑफिसर तथा निर्वाचन के लिए तैनात कर्मचारियों के द्वितीय चरण अभ्यास कार्यक्रम को सम्बोधित किया। केसी चमन ने सभी को निर्देश दिए कि चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाए और नियमानुसार सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करवाई जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु कार्यान्वयन में अधिकारी व कर्मचारी प्रमुख कड़ी हैं तथा इसके लिए सभी को टीम के रूप में कार्य करना होगा। चुनाव से पूर्व सभी पीठासीन अधिकारी माॅक पोल करवाना सुनिश्चित करें तथा वास्तविक मतदान निर्धारित समय पर आरम्भ किया जा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन त्रुटिरहित एवं सफल निर्वाचन के लिए प्रतिबद्ध है और निर्वाचन के लिए नियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान एवं मतगणना इत्यादि के लिए समुचित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। केसी चमन ने कहा कि नगर निगम सोलन का निर्वाचन इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से किया जाएगा। इस कार्य के लिए प्रयुक्त की जाने वाली सभी 55 ईवीएम का समुचित निरीक्षण एवं जांच की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईवीएम के प्रयोग में बरती जाने वाली सावधानियों को स्मरण रखना होगा ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाईश न रहे। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि ईवीएम की कार्यप्रणाली को ठीक प्रकार से समझ लें। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारियों एवं तहसीलदार निर्वाचन को निर्देश दिए कि निर्वाचन तथा ईवीएम के प्रयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के बारे में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को विस्तार से अवगत करवाएं। इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा ने चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से सम्बन्धित सम्पूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने ईवीएम की विस्तृत कार्यप्रणाली एवं इसके विभिन्न हिस्सों की जानकारी दी। नगर निगम सोलन के निर्वाचन पर्यवेक्षक डी.के. रतन, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हर्ष अमरिन्द्र सिंह, सहायक आयुक्त एच.एस. राणा सहित निवार्चन के लिए नियुक्त अन्य कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत भौतिक और वित्तीय प्रगति तथा निधि उपयोग की बेहतर क्षमता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हिमाचल प्रदेश को देश के सात राज्यों को आवंटित 464.28 करोड़ रूपये में से सर्वाधिक 221.28 करोड़ रूपये प्रोत्साहन निधि के रूप में प्राप्त हुए है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज मण्डी जिले के पण्डोह स्थित बी.बी.एम.बी. विश्राम गृह में जल शक्ति और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी और लाॅकडाउन की स्थिति के बावजूद नवम्बर, 2020 तक जल जीवन मिशन के अंतर्गत चार किश्तों में प्राप्त धनराशि के व्यय तथा निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने में हिमाचल प्रदेश ने देश का पहला राज्य होने का गौरव हासिल किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जल जीवन मिशन एक सर्वव्यापी जलापूर्ति योजना है जिसके अंतर्गत प्रदेश के सभी गांवों के घरों में पाइपों से शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया है। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश के 13 लाख से अधिक घरों में जल कनेक्शन प्रदान कर ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया है। प्रदेश के तीन जिलों, 11 खंडों, 825 पंचायतों और 8 हजार 346 गांवों को हर घर जल के अंतर्गत लाया गया। प्रदेश के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ियों को इस योजना से जोड़कर पेयजल उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की है कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2024 तक जल जीवन मिशन के अंतर्गत 100 प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने के निर्धारित लक्ष्य को हिमाचल प्रदेश जुलाई, 2022 तक पूरा कर लेगा। प्रदेश सरकार जल जीवन मिशन के अंतर्गत न केवल हर घर तक पानी पहुंचाने बल्कि जल संरक्षण एवं संग्रहण जैसी योजनाओं पर भी कार्य कर रही है ताकि अधिक उपयोग के कारण भूमि के लगातार कम होते जल स्तर को फिर से रिचार्ज किया जा सके । मुख्यमंत्री ने राज्य को 221.28 करोड़ रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश में जल जीवन मिशन के सफल कार्यान्वयन के लिए जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों को पक्का करने के कार्य को गति प्रदान करने को कहा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रालय के सहयोग से तारकोल की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी ताकि सड़कों को युद्ध स्तर पर पक्का किया जा सके। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं। जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेन्द्र शौरी और जिला के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू के परिधि गृह में 5.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्वास्थ्य विभाग के आवासीय भवनों के लोकार्पण के उपरांत एक जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछला पूरा वर्ष कोरोना संक्रमण के संकट के बीच गुजरा है जिससे देश भर में आर्थिक गतिविधियों पर विपरीत असर पड़ा लेकिन प्रदेश सरकार ने इस दौरान तकनीक का भरपूर उपयोग करके वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में 3500 करोड़ की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए। उन्होंने कहा कि कुल्लू के तेगुबेहड़ में निर्मित टाईप-4 के आठ व टाईप-3 के आठ आवासीय क्वार्टर्ज को लेकर चिकित्सकों व स्टाफ नर्सों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया गया है। कोरोना काल में भी प्रदेश में विकास की गति को रूकने नहीं दिया और इन भवनों का निर्माण भी इसी दौर के बीच पूरा किया गया है। कोविड-19 के संकट से निपटने में जिस प्रकार स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी भूमिका का निर्वहन करके एक मिसाल कायम की है, उसकेे लिए वे प्रशंसा के पात्र हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना वायरस का नया स्टेªन तेजी के साथ फैल रहा है और हिमाचल भी इससे अछूता नहीं है। कोरोना की दूसरी लहर और अधिक खतरनाक है जो सभी के लिए चिंता की बात है। इस वायरस को अधिक गंभीरता के साथ लिया जाना चाहिए और सावधानी व सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि वे पूर्व की भांति आम जनमानस को संक्रमण से बचाव के लिए और अधिक तत्परता के साथ कार्य करें। जीवन बचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है, इसलिए मानक संचालन प्रक्रिया में किसी प्रकार की ढील नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश के वैज्ञानिकों ने कोरोना वैक्सीन तैयार की है जो काफी कारगर साबित हुई है। आज से यह वैक्सीन 45 वर्ष की आयु के लोगों को भी लगनी शुरू हो गई है। वैक्सीन संक्रमण से बचाव करेगी लेकिन लोग जब भी घर से बाहर काम के लिए निकलें तो मास्क का उपयोग, परस्पर दूरी और सेनेटाईजर का इस्तेमाल सुनिश्चित करें। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस साल का बजट सबसे कठिन परिस्थितियों के बीच पारित किया गया और ऐसा कठिन दौर इससे पहले इतिहास में कभी नहीं आया। बावजूद इसके बजट में विकास कार्यों व सामाजिक क्षेत्र को प्राथमिकता प्रदान की गई है और पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला में अनेकों विकास परियोजनाओं के निर्माण कार्य अगले एक-दो माह के भीतर पूरे हो रहे हैं और वह जल्द ही इनके लोकार्पण के लिए जिला का दौरा करेंगे। इसके उपरान्त, कुल्लू में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूलों को आगामी 15 अप्रैल तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है, हालांकि विकास कार्यों और पर्यटन जैसे महत्वूपर्ण क्षेत्रों में बंदिशें नहीं लगाई गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रदेशवासियों से सरकार और प्रशासन के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने की अपील भी की।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने नगर निगम सोलन के निर्वाचन के दृष्टिगत उपायुक्त कार्यालय सोलन में नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार उपायुक्त सोलन कार्यालय के कमरा नम्बर 503 को नगर निगम सोलन के निर्वाचन के दृष्टिगत नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष के लिए जिला राजस्व अधिकारी सोलन केशव राम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न होने तक कार्यरत रहेंगे। नगर निगम सोलन की निर्वाचन प्रक्रिया के सम्बन्ध में कोई भी जानकारी इस नियंत्रण कक्ष से दूरभाष संख्या 01792-224033 पर प्राप्त की जा सकती है। निर्वाचन प्रक्रिया के सम्बन्ध में शिकायत एवं सूचना तथा अन्य जानकारी उक्त दूरभाष नम्बर पर प्राप्त की जा सकती है।
नेरचौक मेडिकल कालेज में सांस और छाती के रोगों से ग्रसित रोगियों के लिए रेस्पिरेटरी मेडिसिन डिपार्टमेंट शुरु हो गया है। गुरुवार को मेडिकल कालेज के प्रिंसीपल डा.आरसी ठाकुर ने इस नए डिपार्टमेंट का शुभारंभ किया। इस विभाग में निमोनिया, दमा, सीओपीडी, आईएलडी, पल्मोनरी हाईपरटेंशन और तपेदिक आदि रोगियों का इलाज किया जाएगा। पहले इन बीमारियों से ग्रसित रोगियों को जनरल मेडिसिन डिपार्टमेंट में ही देखा जाता था, लेकिन अब नया डिपार्टमेंट बन जाने से रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। विभाग की एचओडी डा. रेखा बंसल ने बताया कि रेस्पिरेटरी डिपार्टमेंट मे हर सप्ताह सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ओपीडी की सुविधा रहेगी।
33 केवी सब स्टेशन अर्की के रखरखाव के कारण सब- डिवीजन कुनिहार के अंतर्गत आने वाले समस्त गांवों में सोमवार 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत उप मण्डल कुनिहार के सहायक अभियंता इंजीनियर विनोद भट्टी ने उपरोक्त जानकारी देते हुए जनता से सहयोग की अपील की है।
जिला बिलासपुर के उपमंडल स्वारघाट के गांव मंडयाली के पास एक निहंग द्वारा कृपाण से दो व्यक्तियों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले के दौरान दोनों व्यक्तियों को गंभीर चोटें आई हैं। जिसमें एक व्यक्ति के हाथ की अंंगुलियां कट गईं, जबकि दूसरे व्यक्ति के सिर पर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि हमले के बाद आरोपी जंगल की ओर भाग गया, जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया है। घायल व्यक्ति ने बताया कि निहंग ने कृपाण से उसके सिर पर हमला करना चाहा, बचाव के लिए पकड़ने पर कृपाण से उसकी हाथ की चार अंगुलियां कट गईं।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ ने पदोन्नति सहित कुछ मुद्दों को लेकर निदेशक शिक्षा उच्च को 31 मार्च तक का अल्टीमेटम दिया था। इस उपलक्ष में हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ का शिष्टमंडल शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर से सचिवालय में मिला था। जिस पर संघ ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए निदेशालय के घेराव की बात कही थी l शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि शिक्षकों के सभी वर्गों की पदोन्तियों सहित अन्य मुद्दों को जल्द हल कर दिया जाएगा। साथ ही शिक्षा मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि 10 अप्रैल तक शिक्षकों की प्रवक्ता पद पर पदोन्नति सूची जारी कर दी जाएगी, हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान एवं चीफ प्रेस सेक्रेटरी कैलाश ठाकुर ने एक बयान में यह जानकारी दी हैl साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के आश्वासन व कोविड-19 के बढ़ते खतरे को देखते हुए संघ ने शिक्षा निदेशालय के घेराव के कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया है। आज संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद संघ ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि 10 तारीख तक भी शिक्षकों की पदोन्नति की सूचियां जारी नहीं की गई तो संघ के पास शिक्षा विभाग एवं सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के सिवा और कोई विकल्प नहीं है। जिसके लिए हिमाचल सरकार एवं शिक्षा विभाग स्वयं जिम्मेदार होगा l
डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट के आठवीं कक्षा के छात्र मास्टर मौलिन चंदेल ने ग्रीन स्कूल प्रोग्राम की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपने अभिभावकों सहित स्कूल का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश काउंसिल फॉर साइंस एवं टेक्नोलॉजी तथा पर्यावरण विभाग के सौजन्य से 9 मार्च को करवाई गई थी। प्रतियोगिता में कुल 59 स्कूलों के लगभग 118 प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। ऑनलाइन हुई इस प्रतियोगिता में मास्टर मौलिन ने प्रथम स्थान हासिल कर स्कूल तथा अभिभावकों को गौरवान्वित किया। इसके अतिरिक्त ग्रीन स्कूल प्रोग्राम में आठवीं कक्षा की ओजस्वी तथा आरोही ने नवीकरणीय ऊर्जा की मॉडल प्रतियोगिता में अगले दौर के लिए प्रवेश किया , जिसमें इनका रेजिडेंशियल कैंप का आयोजन होगा। स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन मनोज जिंदल तथा प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर ने सभी प्रतिभागियों को उनकी सफलता की बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
शिमला। अंतरराज्यीय आवाजाही, परिवहन सेवाओं को बढ़ाने और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश सरकारों के बीच आज नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से प्रधान सचिव परिवहन के.के पंत और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रधान सचिव परिवहन राजेश कुमार सिंह ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह अंतरराज्यीय समझौता दोनों राज्यों के बीच सामाजिक-आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने में भी सहायक सिद्ध होगा। नए समझौता ज्ञापन के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन प्राधिकरण हिमाचल प्रदेश में 19 मार्गों पर लगभग 3594 किलोमीटर क्षेत्र में बसें चलाएगा जबकि हिमाचल पथ परिवहन निगम उत्तर प्रदेश में 27 मार्गों पर लगभग 3238 किलोमीटर क्षेत्र में बसें संचालित करेगा। यह समझौता ज्ञापन 20 वर्षों के लिए हस्ताक्षरित किया गया है। वर्ष 1985 में हस्ताक्षरित पुराने समझौते के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन प्राधिकरण हिमाचल प्रदेश में 10 मार्गों पर लगभग 2165 किलोमीटर क्षेत्र में बसें संचालित कर रहा है जबकि हिमाचल पथ परिवहन निगम उत्तर प्रदेश में 11 मार्गों पर 2142 किलोमीटर क्षेत्र में बसें चला रहा है। इस अवसर पर सचिव हिमाचल प्रदेश राज्य परिवहन प्राधिकरण घनश्याम चंद और सचिव उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन प्राधिकरण भीम सेन सिंह भी उपस्थित थे।
शिमला। स्मार्टसिटी मिशन के अन्तर्गत 2 करोड 9 लाख रू की लागत से शिमला नगर निगम के सभी वार्डों में ओपन जिम बनाए जाएंगे ताकि शिमला शहर के युवाओं को बढ़ते नशे से बचाया जा सके। यह बात शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मन्त्री सुरेश भारद्वाज ने गंज बाजार में ओपन जिम के शुभारम्भ करने के उपरान्त कही । इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इस ओपन जिम का निर्माण कार्य 10 लाख रू की लागत से पूर्ण किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में शहर के जिस बार्ड में स्थान उपलब्ध होगा, वहां पर जिम का निर्माण आरम्भ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि शिमला स्मार्टसिटी या नगर निगम निधि में शिमला शहर के किसी भी क्षेत्र में जिम के निर्माण के लिए पैसों की कमी होती है तो उसे विधायक निधि से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला शहर के विकास में सभी लोग व नगर निगम के पार्षद मिल जुलकर कार्य कर रहे है तथा यहां पर विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का राजनैतिक भेदभाव नहीं किया जाता। उन्होंने बताया कि इसी तरह शिमला शहर में विकास कार्य को आगे बढ़ाकर शिमला स्मार्टसिटी के स्वपन को पूरा करेंगे। इस अवसर पर नगरनिगम महापौर सत्या कौण्डल, उप महापौर शैलेन्द्र चैहान, राम बाजार पार्षद सुषमा कुठियाला, पार्षद मीरा शर्मा, बीटू कुमार पाना, सचिव महिला मोर्चा शीतल व्यास, मण्डलाध्यक्ष शिमला राजेश शारदा, नगर निगम आयुक्त आशीश कोहली, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम डॉ चेतन, अधिशाषी अभियन्ता राजेश ठाकुर, सहायक अभियन्ता गोपेश बेहल, अन्य अधिकारी व अन्य लोग उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में स्कूल व अन्य शैक्षणिक संस्थान 15 अप्रैल तक बंद करने की घोषणा अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान कुल्लू में की। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही पर पाबंदी नहीं लगाई जाएगी। कोविड को लेकर सरकार 5-6 दिन में समीक्षा बैठक करेगी। उसके बाद सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा की टीकाकरण के साथ-साथ कोरोना से बचाव के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है। वंही, सीएम ने कहा कि कुल्लू अस्पताल में खाली चल रहे विशेषज्ञों के पदों को प्रदेश सरकार प्राथमिकता के साथ भरेगी। पुलिस के जवानों द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके साथ उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के आवासीय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ जिला में कोरोना व अन्य प्रशासनिक मामलों की समीक्षा की और नगर के समीप घुड़दौड़ का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घुड़दौड़ में आध्यत्मिक गुरु सुधांशु महाराज का आशीर्वाद लिया।
कोटखाई के देवरीघाट में हुए पैराग्लाइडिंग ट्रायल सफल रहे। पैराग्लाइडिंग ट्रायल के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने देवरीघाट का दौरा किया। ज्योति ठाकुर की अगवाई में डायरेक्टर माउंटेंनियर इस्टिट्यूट मनाली की एक टीम देवरीघाट पहुंची। ज्योति ठाकुर ने बताया आने वाले दिनों मे टेक्निकल कमेटी की टीम भी निरिक्षण के लिए इस जगह पहुंचेगी। इस अवसर पर पैराग्लाइडर कालटा ने बताया कि यह स्थान पैराग्लाइडिंग के लिए उपयुक्त है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने देवरीघाट टिक्कर को पर्यटन की दृष्टि से उबारने के लिए खडाप्थर में निवेदन किया था। परिणामस्वरूप नरेंद्र बरागटा के प्रयासों से इस कार्य मे सफलता मिली। इसके चलते बीते दिनों विधानसभा में भी पर्यटन मंत्री राकेश पठानिया व अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की गई थी।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के गांव नंगड़ा में गुरुवार सुबह जमीन विवाद को लेकर हुए झगड़े में ITBP जवान की गोली लगने से मौत हो गई है। सुबह करीब आठ बजे खेतों में जमीन विवाद को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति से उसका झगड़ा हो गया। मृतक की पहचान विपिन कुमार उम्र 37 वर्ष निवासी गांव नंगड़ा जिला ऊना के रूप में हुई है। वारदात की सूचना मिलते ही एएसपी विनोद धीमान ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर हत्या के मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना भेज दिया गया है। एएसपी विनोद धीमान का कहना है कि पुलिस ने आरोपी जसवंत सिंह निवासी गांव नंगड़ा जिला ऊना को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। गोली चलने की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में सड़क हादसे रुकने का नाम नही ले रहे है। आज सुबह कुमारसैन में एक सड़क हादसा पेश आया है। जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये हादसा शिवान बड़ागांव सड़क पर सुबह 6 बजे के करीब हुआ, जब गाड़ी नंबर CH 01 ab 7879 शिवान से बड़ागांव की ओर जा रही थी। अचानक बरगाल 0 पॉइंट के पास गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। यह करीब 200 मीटर नीचे बसंतपुर सड़क में जा गिरी। इसमें बैठे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हिमांशु शांडिल गांव कणा भरेड़ी पँचायत, आदित्य वर्मा निरमण्ड कुल्लू, देव गांव बाइल कुल्लू के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई। मौके पर स्थानीय पंचायत बड़ागांव की प्रधान सुषमा और वार्ड सदस्य अजय शर्मा भी मौजूद रहे। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहादपुर में कक्षा 9वी से लेकर 12 वी तक के विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यवसायिक शिक्षक शैलेंदर कुमार द्वारा वैभब कपिता को बतौर अतिथि शिक्षक (निशुल्क) आमंत्रित किया गया। वैभव कपिता चितकरा यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग डिग्री कर चुके और उन्होंने 8 वर्षो से इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी की बड़ी कंपनियों से अनुभव प्राप्त किया है। वे IIT बॉम्बे जैसे देश के महान शिक्षण संस्थानों में बतौर अतिथि शिक्षक लेक्चर दे चुके। वे हिमाचल के ऊना जिला के निवासी है। आजकल वे मुंबई में अपनी कम्पनी चला रहें हैँ और स्वरोजगार के साथ रोज़गार प्रदान कर रहें हैँ। उन्होंने बच्चों को नई शिक्षा निति के तहत व्यवसायिक शिक्षा विषय पढ़ने और कौशल का विकास करके अपनी रुची के अनुसार व्यवसाय का चयन करके व्यवसायिक शिक्षा पर बल देने और बढ़ती बेरोजगारी दर में स्वरोज़गार हासिल करने एवं आत्मनिर्भर बनने पर बल दिया गया। विद्यार्थी उनके द्वारा दी गई जानकारी से लाभन्वित हुए और महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की। वैभव ने केंद्र सरकार के इस प्रोजेक्ट को एक बहुत अच्छी पहल बताया और नई शिक्षा नीति में भी व्यवसायिक शिक्षा को बल दिया। शैलेन्द्र कुमार ने अधिक जानकारी देते हुये बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहदपुर स्वतंत्रता से पहले से चल रहा शिक्षण संस्थान हैँ और प्रधानाचार्य के अथक प्रयासों से आज यह इंदोरा के उच्चत्म शिक्षण संस्थानों में गिना जाता है। यहाँ पर विद्यार्थियों के सर्वेंगीन विकास के लिए हर एक सुविधा है और व्यवसायिक शिक्षा 2015 से सुचारु रूप से यहाँ चल रही हैँ।
अगर मन में कुछ कर गुजरने की तमन्ना हो तो कोई भी कार्य बखूबी किया जा सकता है। ऐसा ही कुछ करने की सोच के साथ उपमंडल के तीन युवा मेडलिप्स वीडियो के माध्यम से हिमाचली बोली को बढ़ावा दे रहे है। ग्राम पंचायत पारनु के गांव कनोह के रहने वाले राहुल शर्मा (राहुल85777), पंचायत दावटी के गांव दाती के रहने वाले नीतेश शर्मा (शर्मा73133) व लाधी गांव के कुनाल शर्मा (कुकूडागा) इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए है। इन तीनों युवाओं की मेडलिप्स वीडियो फेसबुक, व्हाट्सएप व इंस्टाग्राम पर धूम मचा रही है। राहुल, नीतेश व कुनाल ने मेडलिप्स वीडियो के जरिए एक नया रिकॉर्ड कायम किया है, सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने विभिन्न वीडियो बनाकर पहाड़ी भाषा (लोकल भाषा) में रिकॉर्ड तोड़ दिया। हमेशा अलग तरह की लोकल भाषा मे मेडलिप्स के जरिये इन वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और लोग इसे वायरल भी कर रहे हैं। इन वीडियो में लोकल बोली को खूब पसंद किया जा रहा है। मेडलिप्स की आवाज़ के माध्यम से राहुल शर्मा ,नीतेश शर्मा व कुनाल शर्मा ने वीडियो की खूबसूरती में चार चांद लगा दिये हैं। बता दे कि इन दिनों अर्की, हिमाचल और साथ लगते पड़ोसी राज्यो में हिमाचली बोली ओर बाघल्याणि बोली के चर्चे सोशल मीडिया पर मशहूर हो रहे है। इन तीनों युवाओं का कहना है कि लोगों को खुश करने में उनके दिल को खुशी मिलती है, वो प्रधानमंत्री तो कभी अमिताभ बच्चन की मिमकरी से लोगों की वाहवाही लूट लेते है। वहीं नीतीश पक्षियों की बोली निकालने में भी माहिर है, नीतेश व कुनाल का कहना है कि सोशल मीडिया से हम अपनी बोली को प्लेटफॉर्म पर रखकर लोगों से सीधा संवाद कर सकते है। राहुल शर्मा का कहना है कि ये एक मनोरंजन का साधन है जिससे चुट्कुले सभी को लोटपोट कर रहे है। उन्होंने कहा कि मेडलिप्स बनाना एक कला है। राहुल शर्मा का कहना है कि वह अपनी बोली को प्रचलित करने के लिए एक पहल कर रहे है। उन्होंने कहा की आज जो प्यार हमें जनता द्वारा मिल रहा है उसके हम सदैव आभारी रहेंगे। सोशल मीडिया पर उनके बहुत फैन हैं, जो लगातार उनकी वीडियो को देखते हैं और पसंद करते हैं। साथ ही उन्होंने नशे की गर्त में फंस रहे युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहादपुर में कक्षा 9वी से लेकर 12वी तक के विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें कंप्यूटर हार्डवेयर की प्रैक्टिकल जानकारी प्रदान करवाई गई। जिसमें व्यवसायिक शिक्षक शैलेंदर कुमार द्वारा कम्प्यूटर हार्डवेयर और मरम्मत को अपना रोजगार बनाकर बडूखर में ही अपना व्यवसाय कर रहे प्रदीप कुमार को बतौर अतिथि शिक्षक आमंत्रित किया गया। बच्चों को नई शिक्षा निति के तहत व्यवसायिक शिक्षा विषय पढ़ने और कौशल का विकास करके अपनी रुची के अनुसार व्यवसाय का चयन करके व्यवसायिक शिक्षा पर बल देने और बढ़ती बेरोजगारी दर में स्वरोज़गार हासिल करने एवं आत्मनिर्भर बनने पर बल दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
आए दिन बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्राम पंचायत पारनू के साथ लगते घाट गांव के लोगों को बिजली विभाग के सहायक अभियंता दाड़लाघाट एवं कनिष्ठ अभियंता नवगांव के द्वारा स्थापित 100 केवी का नया ट्रांसफार्मर समर्पित किया गया। जिससे अब उक्त गांव में लोगों को बिजली की समस्या से राहत देखने को मिलेगी। गांव में लोगों के घरों में वोल्टेज कम होने से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ विद्युत उपकरणों द्वारा सही से काम न कर पाने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। परन्तु विद्युत विभाग द्वारा नया ट्रांसफॉर्मर लगाने से लोगों की दिक्कतें कम होंगी। जिसके लिए चेतराम शास्त्री, मुंशी राम, यशपाल शर्मा, मदनलाल, श्याम लाल, जीतराम, बजीरू राम, राम लाल, दौलत राम सहित अन्य ग्रामीणों ने विभाग का धन्यवाद किया।
यूको बैंक में 36 साल अपनी सेवाएं देने के बाद रंगाली सिंह ठाकुर 31 मार्च बुधवार को यूको बैंक शाखा लडभडोल से सेवानिवृत्त हुए। बैंक कर्मचारियों द्वारा उनकी सेवानिवृत्ति पर कोरोना नियमों के चलते सादे विदाई समारोह का आयोजन किया गया इसमें कर्मचारियों द्वारा चाय पान सहित दोपहर का भोजन का इंतजाम किया गया था और कर्मचारियों ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर और पुस्तकार भेंट करके सम्मानित किया गया और उन्हें खुशी खुशी विदाई दी। रंगील सिंह ठाकुर मुख्य केशियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और उनका 36 साल का सेवाकाल सराहनीय रहा है।
पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन पट्टाबराबरी - हरिपुर इकाई के चुनाव सर्व सम्मति से जिला उपप्रधान जी आर भारद्वाज सर्वेक्षक एवं चुनाव अधिकारी की देखरेख में संम्पन हुए। इस मौके पर राज्य प्रतिनिधि रूप राम शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान एक बार फिर सर्व सम्मति से डी डी कश्यप को इकाई का अध्यक्ष बनाया गया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ उप प्रधान केशवा राम, सचिव जगदेव गर्ग,कोषाध्यक्ष महमूद वेग,मुख्य सलाहकार रोशन कौंडल,मुख्य ऑडिट ऑफिसर हरदेव गर्ग,मुख्य कानूनी सलाहकार जगदीश शर्मा,कानूनी सलाहकार दीनानाथ गर्ग,उपप्रधान खेमचंद ठाकुर,दुनीचंद ठाकुर,प्रेम चन्द कश्यप,शीलादेवी, संगठन सचिव चेतराम,गीता देवी,सन्तोष कुमार,बिशन दास ,नेकराम कौंडल,शीशराम कश्यप,हंसराज शर्मा व संयुक्त सचिव ख्याली राम को बनाया गया। चुनाव प्रक्रिया के बाद डी डी कश्यप ने सर्वसम्मति से हुए चुनाव के लिए सभी को बधाई दी व संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए एक जुट कार्य करने की सबसे अपील की।
पुलिस थाना दाड़लाघाट के तहत चमाकड़ी पुल के पास एक ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।मृतक की पहचान अमृतसर निवासी गुरदीप सिंह के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र ने पुलिस में लिखवाई रिपोर्ट में बताया कि वह चालक का कार्य करता है व मनाली की एक पिकअप चलाता है। वह अपने पिता के साथ उपरोक्त गाड़ी में कैरी बैग व नैपकिन आदि की सप्लाई करने अमृतसर से सैंज, चौपाल व नेरवा की तरफ गया था। नेरवा से सप्लाई करके वे लोग वापस अमृतसर जा रहे थे, तो रात को चमाकड़ी पुल के पास उसने अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी। पिता ने कहा कि रात को यहीं पर कमरा लेकर ठहर जाते हैं। जब उसके पिता सड़क क्रॉस करके होटल की तरफ जा रहे थे तो उसी समय एक ट्रक दाड़लाघाट की तरफ से तेज रफ्तार में आया और पिता को टक्कर मार दी। ट्रक उन्हें कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया। मृतक को दाड़लाघाट अस्पताल ले जाया गया जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
भारतीय किसान संघ खंड कुनिहार के सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल खंड कुनिहार के मंत्री नरेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में नायब तहसीलदार दाड़लाघाट बसंत लाल राजटा को मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश को सुखा ग्रस्त राज्य घोषित करने एवं फसलों के नुकसान से किसानों को सीधी राहत प्रदान करने को लेकर नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को एक ज्ञापन सौपा। उन्होंने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में अधिकतर कृषि एवं बागवानी वर्षा पर आधारित होती आ रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में औसतन 1000-1200 मि.मी. वर्षा के द्वारा जल पूरा वर्ष भू-भाग को मिलता रहता है। लेकिन वर्ष 2020-21 के दौरान सितम्बर 2020 से मार्च 2021 तक सामान्यतया बहुत कम वर्षा हुई है। इसके अलावा हिमपात भी बहुत कम हुआ है परिणामस्वरूप सूखे की स्थिति बन चुकी है। इसका असर सीधा रबी की फसलों पर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों ने गेहूँ को चारे के रूप में काटना शुरू कर दिया है। एक क्विंटल उत्पादन के स्थान पर 15-20 किलोग्राम गेहूँ के उत्पादन की आशा की जा रही है। कृषि विभाग द्वारा एक माह पूर्व अपनी रिपोर्ट में सूखे का प्रभाव जो केवल 30-40 प्रतिशत आंका था, अब 70-80 प्रतिशत तक पहुंच गया है। अधिकतर खेती की भूमि असिंचित, छोटी जोत, पहाड़ी क्षेत्र होने एवं अनाज की कम आय वाली फसलों के कारण किसान फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित रहते हैं। भारतीय किसान संघ ने हिमाचल सरकार से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश को सूखाग्रस्त राज्य घोषित किया जाए और रबी फसलों के नुकसान की राहत किसानों को प्रति बीघा जमीन के हिसाब से बैंक द्वारा किसानों के खाते में सीधे दी जाए। जिससे किसानों को कम से कम कृषि आदानों में व्यय राशि राहत के रूप में उपलब्ध हो। इस मौके पर खंड मंत्री नरेश कुमार शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा ओपीएस, हंसराज भाटिया, महेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
विपक्ष के नेता एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने महंगाई के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा है कि सत्ता के नशे में उनकी संवेदनाएं खत्म हो गई हैं और आम आदमी की पीड़ा महसूस करने के बजाय भाजपा नेता अभी भी भाषणबाजी में लगे हैं। डबल इंजन की सरकार ने लोगों के घर परिवार का बजट बिगड़ने के बाद महंगाई के मुद्दे से पल्ला झाड़ लिया है। उन्होंने कहा देश की जनता इस बात को नहीं भूल सकती कि अच्छे दिन लाने की दुहाई देकर भाजपा नेताओं ने सुशासन का सपना दिखाया था। लेकिन सत्ता प्राप्ति के बाद भाजपा सरकार ने जनता के सपनों को तहस-नहस करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था की चूलें हिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपाइयों का दोहरा रवैया और दोहरा चरित्र अब जनता के सामने आ चुका है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी तांडव कर रही है। महंगाई बेलगाम हो चुकी है। अन्नदाता आत्महत्या कर रहा है। कर्मचारियों के महंगाई भत्ते फ्रीज कर दिए गए हैं। कोरोना काल में नौकरियां गंवाने वालों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। आम आदमी पर चौतरफा मार पड़ रही है। बिजली के भारी-भरकम बिल लगातार जनता की चिंताएँ बढ़ा रहे हैं। सरकार के सस्ते राशन योजना की भी बैंड बज गई है। डिपुओं पर मिलने वाली दाल, तेल, चीनी और नमक की दरें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर दिशाहीन साबित हो रही है। अंधाधुंध कर्ज़े उठा कर प्रदेश को कर्ज़ों के मकड़जाल में उलझा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी की पीड़ा को आवाज़ देने के लिए कांग्रेस पार्टी कतई पीछे नहीं हटेगी और हर ज़ोर जुल्म के खिलाफ डटकर आवाज बुलंद की जाएगी। प्रदेश में भाजपा सरकार की उल्टी गिनती अब शुरू हो गई है।
होली का त्यौहार दाड़लाघाट और इसके आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हालांकि पिछले वर्षों के मुकाबले इस होली पर धूमधाम ओर रौनक कम ही दिखी। कोविड-19 के निरंतर बढ़ते संक्रमण की वजह से होली पर्व पर लोग गुलाल नहीं उड़ा पाए। प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार लोगों घर पर ही होली खेलने की हिदायत मिली थी। लोगों का कहना है था कि सालाना त्योहारों की रंगत कोरोना की वजह से धीरे-धीरे फीकी पड़ रही है। जिसका हमारे समाज तथा बाजार पर काफी विपरीत असर पड़ रहा है। पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, नरेंद्र सिंह चौधरी, अनिल गुप्ता, पंकज, राजेंद्र कपिल, तनुज शुक्ला, दुकानदार दीपक गजपति, अमरदीप, राज, बॉबी, मुकेश, नितीश, रितिक, राकेश, पवन ठाकुर, शुभम का कहना है कि कोरोना महामारी की वजह से इस बार होली का त्यौहार पिछले वर्षों की तुलना में फीका रहा। इसके अलावा लोगों ने अपने परिचितों व रिश्तेदारों के यहां जाकर उनको होली के रंग भेंट करने के साथ माथे पर रंगों के टीके लगा कर होली खेली। कोरोना संक्रमण के चलते व्यापार मंडल या अन्य किसी भी संस्था ने सार्वजनिक तौर पर होली नहीं खेली। संस्थाओं में लोगों ने अपने स्तर पर एक दूसरे को रंग लगाकर आपस में होली खेली।
कोविड-19 टीकाकरण के लिए पूर्व में निर्धारित दिशा-निर्देशों में आंशिक परिवर्तन किए गए हैं। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने आज यहां दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण करवा चुके लाभार्थी दूसरी खुराक नए दिशा-निर्देशों के अनुसार ले सकते हैं। जिन लाभार्थियों को कोविड-19 टीकाकरण की दूसरी खुराक 28 दिन बाद दी जानी तय हुई थी, वे सभी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार दूसरी खुराक पहला टीका लगने के 6 से 8 सप्ताह के मध्य कभी भी ले सकते हैं। लाभार्थियों को अब 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाने की बाध्यता नहीं है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने हाल ही में पाॅजिटिव पाए गए कोविड-19 रोगियों से आग्रह किया कि होम आईसोलेशन नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि रोगी अपने-अपने सम्पर्क में आए व्यक्तियों की सूचना स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा करें ताकि विभाग इस दिशा में सजगता से कार्य कर सके। उन्होंने कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों से आग्रह किया कि वे अपने सम्पर्क में आए व्यक्तियों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को प्रदान करें अन्यथा उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनें, सोशल डिस्टन्सिंग नियम का पालन करें, भीड़ वाले क्षेत्रों में न जाएं तथा बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहें।
नगर निगम सोलन के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने नगर निगम निर्वाचन-2021 के दृष्टिगत आदर्श आचार संहिता की अनुपालना के लिए 02 उड़न दस्ते गठित किए हैं। यह उड़न दस्ते नगर निगम सोलन के विभिन्न वार्डों में आदर्श आचार संहिता की अनुपालना का अनुश्रवण कर रहे हैं। इस सम्बन्ध में आदेश हिमाचल प्रदेश नगर निगम निर्वाचन नियम-2012 के नियम 30 (3) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने 07 अप्रैल को नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत गोलजमाला में प्रधान पद के लिए होने वाले मतदान के दृष्टिगत विभिन्न मतदान केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किया है। इस सम्बन्ध में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) केसी चमन द्वारा पुलिस अधीक्षक बद्दी को उचित आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत गोलजमाला में प्रधान पद के लिए होने वाले मतदान के लिए वार्ड नम्बर-1 गोलजमाला, वार्ड नम्बर-2 कल्याणपुर तथा वार्ड नम्बर-3 नंगल निहला के लिए निर्धारित मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला गोलजमाला को संवेदनशील घोषित किया गया है। इसी ग्राम पंचायत के वार्ड नम्बर-4 पलासडा घाडुआ तथा वार्ड नम्बर-5 पलासडा दितु के लिए निर्धारित मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला पलासडा घाडुआ को संवेदनशील घोषित किया गया है। वार्ड नम्बर-6 पलासडा निहला, वार्ड नम्बर-7 नंगल उपरला-1, वार्ड नम्बर-8 नंगल उपरला-2 तथा वार्ड नम्बर-9 नंगल निहला-2 के लिए निर्धारित मतदान केन्द्र राजकीय उच्च पाठशाला नंगल उपरला को संवेदनशील घोषित किया गया है।
हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 158-आर के प्रावधानों के अनुसार 07 अप्रैल को पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनाव के दृष्टिगत मतदान के लिए निर्धारित समय की समाप्ति से 48 घंटे पूर्व से जिला सोलन के उन क्षेत्रों में मदिरा आदि की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा जहां यह उप चुनाव होना है। इस सम्बन्ध में जिला दण्डाधिकारी सोलन केसी चमन द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेशों के अनुसार मतदान वाले क्षेत्रों में उक्त अवधि को ड्राई डे घोषित किया गया है। मतगणना एवं परिणाम दिवस पर भी ड्राई डे रहेगा। इस अवधि में मतदान वाले क्षेत्रों में किसी होटल, रेस्तरां, दुकान, सार्वजनिक स्थल इत्यादि में किसी भी प्रकार की मदिरा एवं अन्य मादक द्रव्यों की बिक्री एवं वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला दंडाधिकारी ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तुरंत प्रभाव से जिला सोलन के उन स्थानों में शस्त्र साथ रखने पर प्रतिबंध लगा दिया है, जहां पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनाव निर्धारित हैं। यह आदेश चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक जारी रहेंगे। शस्त्र तथा गोला-बारूद साथ लेकर चलने पर विधि अनुसार उचित कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश सेना, अर्धसैनिक बलों, राज्य पुलिस, गृह रक्षा तथा केंद्रीय पुलिस बल पर लागू नहीं होंगे।
आरपी नेगी।शिमला प्रदेश के चार नगर निगमों में हाेने जा रहे चुनावाें के लिए सरकार और संगठन ने पूरी ताकत झाेंक दी है। ऐसे में अब आगामी सात दिनों तक सरकार के मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी समेत कार्यकर्ता खूब पसीना बहाएंगे। सीएम जयराम ठाकुर भी दाे दिनों में धर्मशाला और पालमपुर में वाेटर्स के नब्ज टटाेलेंगे। वे आज ही धर्मशाला में प्रचार के लिए कूद पड़े हैं। चुनावी शेडयूल के मुताबिक 7 अप्रेल काे सुबह 8 से दाेपहर बाद 4 बजे तक वाेटिंग हाेनी है। प्रचार के लिए अब कम समय रहते देख सरकार के सभी मंत्री और संबंधित क्षेत्राें के विधायकों ने भी पूरा माेर्चा संभाल रखा है। प्रदेश में भाजपा की सरकार हाेने के नाते चाराें नगर निगमों पर भाजपा कब्जा जमाने की आस में हैं। इन दिनों राज्य सचिवालय से भी राैनक गायब हाे चुकी है। कारण यह है कि अधिकांश मंत्री मिशन इलेक्शन में कूद पड़े हैं और वैसे भी सीएम आउट ऑफ स्टेशन हाेते ही मंत्रियाें की अनुपस्थिति आम बात बन जाती है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस भी सभी सीटाें पर जीत दर्ज करने के लिए काेई कसर नहीं छाेड़ना चाहती। प्रदेश अध्यक्ष कुलदउीप सिंह राठाैर से लेकर विधयकों ने भी जिम्मेवारियाँ साैंपी है। ऐसे में अब देखना हैं कि 7 अप्रैल के दिन वाेटर्स किसे अपना प्रतिनिधि चुनते हैं? उल्लेखनीय है कि मंडी, साेलन और पालमपुर में पहली बार चुनाव हाे रहे हैं, जबकि नगर निगम धर्मशाला में दूसरी बार।
इंदिरा गाँधी खेल परिसर में 25 मार्च से चल रही राज्य स्तरीय जुडो प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। जिसमें हिमाचल जुडो अकादमी के खिलाड़ियों ने धूम मचा दी है। खिलाड़ियों ने कुल 30 पदक जीते हैं, जिसमें 16 स्वर्ण, 8 रजत, 6 कांस्य पदक शामिल हैं। यह जानकारी अकादमी के संस्थापक और कोच वीरेंद्र धौल्टा ने दी। वीरेंद्र धौल्टा ने कहा कि कोरोना के कारण इस मुकाम को हासिल करना मुश्किल था, लेकिन फिर भी खिलाडियों ने पूरी शक्ति के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने कहा कि वह मुफ्त मे कोचिंग देते हैं, लेकिन अकादमी में कड़ी मेहनत के आधार पर चयन किया जाता है। वह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल देवठी में गणित के शिक्षक हैं और खुद एक अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह सुबह और शाम मुफ्त में कोचिंग देते हैं। इस प्रतियोगिता में 30 खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी ने पदक जीते। वह अपनी उपलब्धि से खुश हैं, लेकिन उनका कहना है की उनका लक्ष्य अंतर्राष्ट्रीय पदक है। सरकार भी खेलों को बहुत महत्व दे रही है। खेलो इंडिया जैसे प्लेटफॉर्म सरकार द्वारा दिए गए हैं, जिसमें यदि खिलाड़ी का चयन किया जाता है , तो उसे 6 साल के लिए 700000 की छात्रवृति मिलती है और वह खेल को करियर के रूप में भी अपना सकते है। सरकारी नौकरियों में 3% स्पोर्ट्स कोटा है। स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी क्रिस ने 40 किलोग्राम, प्रियांशी ने 43 किलोग्राम, गुंजन ने 57 किलोग्राम, आरती ने 48 किलोग्राम, कृतिका ने 44 किलोग्राम, मंजू ने 52 किलोग्राम, रुचिका ने 44 किलोग्राम, लक्ष्य ने 66 किलोग्राम, कुशाल ने 81 किलोग्राम, रियांशु ने 50 किलोग्राम, हिमांशु ने 60 किलोग्राम, चेतन ने 81 किलोग्राम, जतिन 90 किलोग्राम, जय खेता 100 किलोग्राम, केशव 60 किलोग्राम, रजत पदक विजेता खिलाड़ी मुकुल 66 किलोग्राम, रेजुल 50 किलोग्राम, और जतिन 81 किलोग्राम हैं। वीरेंद्र ने कहा की धौल्टा की ये सभी खिलाड़ी अगले महीने होने वाली विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
शिमला। हिमाचल प्रदेश विभागीय परीक्षा बोर्ड के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार के विभिन्न श्रेणियों के पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभागीय परीक्षाएं 17 से 25 मई तक आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा, भारतीय वन सेवा, हिमाचल प्रदेश वन सेवा, तहसीलदार व नायब तहसीलदार, राज्य में कार्यरत अन्य समस्त राजपत्रित अधिकारी, पात्र अराजपत्रित अधिकारी (अधीक्षक ग्रेड-प्प् व वरिष्ठ सहायक) तथा आबकारी एवं कराधान विभाग के निरीक्षकों, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के राजपत्रित अधिकारी, पात्र अराजपत्रित अधिकारी, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अभियन्ताओं व हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के वरिष्ठ प्रबन्धकों/सहायक अभियन्ताओं के लिए निर्धारित डेटशीट के अनुसार परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रवक्ता ने कहा कि केवल पेपर नम्बर-1 वित्तीय प्रशासन में उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला, राजकीय (कन्या) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मण्डी और राजकीय महाविद्यालय, संजौली, शिमला में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं राजकीय महाविद्यालय संजौली, शिमला में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जो अभ्यार्थी परीक्षा में उपस्थित होना चाहते है वे अपने आवेदन पत्र ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से मानव सम्पदा पोर्टल पर 1 से 30 अपै्रल तक भर सकते हैं। प्रार्थियों द्वारा किए गए आवेदन तभी माननीय होंगे जब उन्हें विभाग द्वारा अनुमोदित किया जाएगा। विभागध्यक्ष प्रार्थियों द्वारा किए गए आवेदनों को 7 मई तक अनुमोदित कर पाएंगे। इसके उपरान्त विभागाध्यक्ष की विंडों स्वतः ही बन्द हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमेटिड के अभ्यार्थी अपना आवेदन पत्र पहले की भांति दिए प्रपत्र पर दिए जाएंगे। परीक्षा की समय सारणी व ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की पूर्ण जानकारी हिप्पा की वेबसाइट www.hipashimla.nic.in. पर उपलब्ध है।
रिकांगपिओ। प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राज्य स्तर पर 15 अप्रैल से आरंभ हो रही स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा के मार्ग निर्देशिका (रूट-चार्टर) व कलस्टर को लेकर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जिला के तीनों उपमण्डलों कल्पा, भावानगर व पूह को स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा, 2021 के लिए अलग-अलग कलस्टरों में बांटा जाएगा। जिसके तहत नाको कलस्टर में सुमरा, शलखर, चांगो, नाको, हांगो, चूलिंग व लियो ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है और मुख्य कार्यक्रम नाको पंचायत घर के नजदीक लखांग मैदान में किया जाएगा। इसी प्रकार पूह कलस्टर में नमज्ञयां, डूबलिंग, पूह, नेसंग, रोपा, ज्ञाबुंग व सुन्नम पंचायत को शामिल किया गया है तथा मुख्य कार्यक्रम गांधी मौहला स्टेडियम पूह में किया जाएगा। मूरंग कलस्टर के तहत स्पीलो, कानम, लाबरंग, ठंगी, चांरग, मूरंग, रारंग, जंगी, लिप्पा, आसरंग, अकप्पा, रिस्पा तथा रिब्बा ग्राम पंचायत को शामिल किया गया है तथा स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम ट्रक यूनियन मैदान स्किबा में किया जाएगा। उपमण्डल कल्पा के तहत 2 कलस्टर बनाए गए हैं। कल्पा कलस्टर के अंतर्गत मेबर, बारंग, पवारी, पूर्वनी, पांगी, खवांगी, तेलंगी, शुदारंग, दूनी, युवारंगी, कल्पा, रोघी व कोठी पंचायत को शामिल किया गया है तथा स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम रामलीला मैदान रिकांग पिओ में आयोजित किया जाएगा। सांगला कलस्टर के तहत शौंग, सापनी, ब्रुआ, किल्बा, चांसू, कामरू, सांगला, थेमगरंग, बटसेरी, रकच्छम तथा छितकुल पंचायत को शामिल किया गया है तथा स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला के प्रागंण में किया जाएगा। भावानगर (निचार) उपमण्डल के तहत तीन कलस्टर बनाए गए हैं। टापरी कलस्टर के तहत मीरू, चगांव, उरनी, यूला, पानवी, पूनंग तथा रामनी ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है जबकि मुख्य कार्यक्रम टापरी स्थित सब्जी मण्डी ग्राउंड में किया जाएगा। कटगांव कलस्टर के तहत यंगप्पा-1, यंगप्पा-2, कटगांव, काफनू, क्राबा व नाथपा ग्राम पंचायतों को लिया गया है। स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला काफनू के प्रागंण में आयोजित किया जाएगा। भावानगर कलस्टर के तहत निचार, सुंगरा, पौण्डा, बरी, तराण्डा, चोरा, छोटा-कम्बा, बड़ा-कम्बा व रूपी ग्राम पंचायत को शामिल किया गया है। मुख्य कार्यक्रम कला मंच ग्राउंड भावनगर में होगा। उपायुक्त ने कहा कि स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा, 2021 के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए उपमण्डल स्तर पर अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी/उपमण्डलाधिकारी नोडल आॅफिसर होंगे, जबकि कलस्टर स्तर पर गठित कमेटियों के नोडल आॅफिसर खण्ड विकास अधिकारी/ तहसीलदार होंगें।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के लोगों से कोरोना महामारी के प्रति और अधिक सतर्क रहने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने आज कांगड़ा जिला के डाॅ.राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा के परिसर में प्रदेश में कोविड महामारी की स्थिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस बार यह वायरस अधिक प्रभावशाली और खतरनाक बनकर लौटा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कोरोना के नए स्ट्रेन का अध्ययन करने के उपरान्त पाया कि इसमें खांसी और बुखार जैसे कोई लक्षण सामने नहीं आ रहे हैं, और मरीजों को जोड़ों में दर्द, शारीरिक कमजोरी, कम भूख लगने और कोविड-19 निमोनिया जैसी समस्याएं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में सामने आए मामलों के मुकाबले इस बार मरीजों का स्वास्थ्य बिगड़ने में कम समय लग रहा है, और कभी-कभी कोई भी लक्षण सामने नहीं आ रहा है। इसलिए स्वयं, परिवार और समाज को खतरे में डालने से बेहतर है कि हम और अधिक सतर्क रहें। जयराम ठाकुर ने चिकित्सा अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को उन लोगों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा जो होम क्वारंटीन में रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की निगरानी करने और इस घातक महामारी के विरूद्ध लड़ने तथा एहतियाती उपायों के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए स्थानीय पंचायती राज प्रतिनिधियों को शामिल किया जाना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों में लोगों को बिना मास्क के घुमने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और दुकानदारों को बिना मास्क के लोगों को अपनी दुकानों में आने की अनुमति नहीं देनी चाहिए। इस महामारी को दूर रखने के लिए उचित स्वच्छता सम्बन्धी आदतें अपनाना जरूरी है। परस्पर दूरी के नियमों का पालन किए बिना हम कोरोना को नहीं हरा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के सभी सुरक्षा मंत्रों को अपना कर हम सुरक्षित रह सकते हैं जिससे हमें आर्थिक गतिविधियों को सुचारू रखने में सहायता मिलेगी और देश और प्रदेश की विकास, उन्नति और आर्थिकी प्रभावित नहीं होगी। जयराम ठाकुर ने कारोना वायरस का सामुदायिक संक्रमण रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग को कोरोना वायरस सम्बन्धी परीक्षणों को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का नया रूप हमारे नासाग्रसनी (नेसोफिरेंजियल) भाग में नहीं रहता है और यह सीधे तौर पर फेफड़ों को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लोगों को इस कठिन समय में प्रोत्साहित करे ताकि वे इस घातक महामारी से कम से कम प्रभावित हों। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और जहां तक सम्भव हो भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचने और सार्वजनिक स्थानों व परिवहन के उपयोग के दौरान हर समय मास्क पहनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बार-बार हाथ धोने की आदत को अपनाना चाहिए क्योंकि यह बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करता है। लोगों की लापरवाही के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं जो समाज को खतरे में डाल रहे हैं। इससे पूर्व, कांगड़ा जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. गुरूदर्शन गुप्ता ने कहा कि कोरोना के नए स्ट्रेन के मरीजों में बुखार के कोई भी लक्षण सामने नहीं आ रहे हैं, लेकिन एक्स-रे की रिपोर्ट में निमोनिया के मामूली लक्षण सामने आ रहे हैं। इसका अर्थ है कि इस वायरस का सीधा प्रभाव फेफड़ों पर पड़ रहा है, जिससे वायरल निमोनिया के कारण मरीजों को सांस सम्बन्धी गम्भीर दिक्कतों का सामना कर पड़ रहा है। इससे यह साबित होता है कि कोरोना का नया स्ट्रेन अधिक जानलेवा और घातक है। उन्होंने कहा कि कोरोना की नई लहर पहले से अधिक जानलेवा है और हमें इस महामारी को हराने के लिए उचित स्वास्थ्य सम्बन्धी आदतों को अपनाना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. विपिन सिंह परमार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी, वन मंत्री राकेश पठानिया, उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति, पुलिस अधीक्षक विमुक्ता रंजन, टांडा चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डाॅ.भानू अवस्थी इस अवसर पर उपस्थित थे।
सिनेमाचल प्रोडक्शन देव भूमि फ़िल्म एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित लघु फ़िल्म मुकाम का टीज़र 27 मार्च को रिलीज़ किया गया। जिसकी जानकारी फ़िल्म के निर्माता, लेखक और निर्देशक दिनेश भारद्वाज ने दी। उन्होंने बताया कि फ़िल्म को उनके बैनर सिनेमाचल प्रोडक्शन फिल्म के सह निर्माता बालम कौंडल के बैनर देवभूमि फ़िल्म एंटरटेनमेंट चैनल पर 2 अप्रैल को रिलीज़ किआ जाएगा। फ़िल्म में मुख्य भूमिका वरिष्ठ पत्रकार पवन प्रेमी, मानसी भाटिया, सतीश हिंदुस्तानी, बालम कौंडल व लक्की जामवाल ने निभाई है। इसके अलावा फ़िल्म के कुछ द्रिश्यों में 6 साल की बच्ची दीक्षा व एक महीने की बच्ची गिरिशा को दिखाया गया है तथा वर्तमान में सेवा दे रहे दो पुलिस कर्मी अजय व देवी सिंह ने भी फ़िल्म में पुलिस कर्मी का अभिनय किया है। फ़िल्म के सारे द्रिश्य सरकाघाट में ही फिल्माए गए हैं। फ़िल्म को बनाने का मकसद हिमाचली फ़िल्म सिनेमा को आगे बढ़ाना तथा बेटियों के प्रति समाज की मानसिकता को बदलने का प्रयास है। वहीं, दिनेश भारद्वाज ने लोगों से अपील की है कि टीज़र को ज्यादा से ज्यादा शेयर किया जाए ताकी भविष्य में भी इस तरह के विषयों पर लघु फिल्में बनाने को ले कर उत्साह बना रहे ।
हर व्यक्ति में कला समाहित होती है, केवल उसे अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। यह साबित कर दिखाया है सोनम सोई ने। सोनम बहुत ही अच्छी कलाकार है तथा उनकी आर्ट गैलरी में बहुत सी बढ़िया एवं उम्दा पेंटिंग्स रखी गई हैं। इन पेन्टिंग्स का सिंहावलोकन करने से ऐसा लगता है कि यह पेंटिंग अभी बोल पड़ेगी। उनके द्वारा तस्वीरों में जान डाल दी गई है केवल जुबान नहीं डाली जा सकी। सोनम सोई को बचपन से ही आर्ट एंड क्राफ्ट में रुचि थी तथा वह स्कूल समय से ही पेंटिंग्स बनाती थी। उनकी पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी कई बार लग चुकी है जिसमें जानी-मानी हस्तियों ने इनकी पेंटिंग को बहुत सराहा तथा इनाम दिए हैं। सोनम सोई का सपना है कि उनकी पेंटिंग्स को किसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शनी में शामिल किया जाए ताकि उनकी कला को पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि उनके पास इस तरह की पेंटिंग की बहुत सारी क्लेक्शन है जिसे किसी उचित प्लेटफार्म की तलाश है। अगर कोई पाखी उनकी पेंटिंग्स को उचित स्थान दे, तो उनकी कला में और भी निखार आ सकता है। उन्होंने कहा कि वह शीघ्र ही कुछ महान हस्तियों के पोर्ट्रेट बनाएंगे जिसमें मोदी, अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर तथा पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह आदि शामिल हैं।
मौलाना युवक मंडल व समराला युवक मंडल को समाजसेवी आशीष शर्मा ने क्रिकेट किट्स भेंट की और साथ ही उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने युवक मंडल को आश्वासन दिया कि उनकी सभी समस्याओं का जल्द समाधान निकाला जाएगा। बात दें कि आशीष शर्मा मुलाना गांव के निवासी हैं, और उनकी माता दूसरी बार पंचायत प्रधान बनी है। आशीष शर्मा ने भाजपा और कांग्रेस पार्टी से ऊपर उठ कर लोगों की सहायता करते है। इसी के चलते आज उन्होंने उन्होंने समराला के युवक मंडल को क्रिकेट किट्स भेंट की। इस अवसर पर युवक मंडल ने आशीष शर्मा धन्यवाद किया।
ग्राम पंचायत हाटकोट के अंतर्गत प्राचीन पेयजल स्रोत की सफाई की गई। इस मौके पर पंचायत के प्रधान जगदीश अत्रि उपस्थित रहे। वहीं, पंचायत सदस्य रक्षा शर्मा, विमला शर्मा, महिला मंडल प्रधान निर्मला राघव, उपप्रधान लता शर्मा, कोषाध्यक्ष संतोष, सचिव रुकमणी, मीरा, पूनम, निर्मला सुदेश, कंचन, प्रभा शर्मा, सावित्री देवी, मीना, उमा देवी, बृज बाला, हेमा, मीरा शर्मा, हिमा देवी संग कई महिलाओं द्वारा गर्मियों के मौसम को देखते हुए प्राचीन बावड़ी की सफाई की गई। प्रधान जगदीश अत्रि ने महिलाओं द्वारा प्राकृतिक स्त्रोत की साफ सफाई की सराहना करते हुए भविष्य में भी पूरी पंचायत को साफ व स्वच्छ रखने की समस्त पंचायत वासियों से अपील की।
ग्राम पंचायत क्यारड में गांव कुंद के ग्रामीणों ने बावड़ी एवं रास्तों की साफ-सफाई की। इस अवसर पर गांव के युवाओं ने सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सब तहसील दाड़लाघाट के वरिष्ठ सहायक राजेंद्र सिंह व मनोहर लाल फौजी ने बताया कि इस सफाई अभियान में जुड़े युवाओं का उत्साह देखने लायक था। युवाओं ने बावड़ी में पड़े कचरे और गंदगी को साफ किया। उन्होंने बताया कि बावड़ी पुरानी होने से दीवारों एवं सीढिय़ों पर झाडिय़ा उग आई थी तथा गंदगी फैंके जाने से यह कचरे से अट चुकी थी। ऐसे में युवाओं ने घंटों मेहनत कर बावड़ी की सफाई में अपना योगदान दिया। उन्होंने बताया कि युवाओं ने भविष्य में इस पुनीत कार्य का जिम्मा उठाने की शपथ ली। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक राजेन्द्र सिंह, मनोहर लाल फौजी, नरेश, दिनेश, राहुल, मोहित, मोहन, मान सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत सूरजपुर में सामाजिक कल्याण एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जागरूकता शिवर का आयोजन किया गया। इस दौरान कल्याण विभाग, न्याय विभाग, पुलिस विभाग द्वारा नागरिकों को उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत से जानकारी दी गई। इस मौके पर महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में अवगत करवाया गया। कल्याण विभाग द्वारा लोगों को बुढ़ापा पेंशन, विधवा पैंशन व अपंगता पेंशन के साथ-साथ सरकार की तरफ से कल्याण विभाग से मिलने वाली योजनाओ के बारे में स्थानीय ग्राम वासियों को अवगत करवाया गया। इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी राकेश गौतम, कमलेश, पुलिस विभाग से कमला वर्मा, न्याय विभाग से वकील रोहित और जिला परिषद सदस्य धुन्दन भुवनेश्वरी शर्मा, पंचायत उप प्रधान कामेश्वर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अम्बुजा सीमेंट प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट ने कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाया। यह कैंपस प्लेसमेंट दो दिन का रखा गया, जिसमें पहले दिन सुज़ूकी मोटर गुजरात की कम्पनी ने 110 उम्मीदवारों की लिखित परिक्षा एवं साक्षात्कार लिया। जिसमें 57 उम्मीदवार चयनित हुए। कम्पनी ने इन्हें 19400 प्रतिमाह पर चयनित किया। इसके साथ ही कम्पनी चयनित उम्मीदवारों को ड्रैस, जुते एवं खाने रहने की सुविधा भी उपलब्ध करवाएगी। दुसरे दिन टीडीएस कम्पनी ने हिरो ई साईकल लि, हाईवे इन्डसट्रज, गोद्रेज, एमआरएफ़ टायरज, एशियन टायरज जैसी 22 कम्पनियों के लिए 115 उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया। जिनमें 110 उम्मीदवार विभिन्न कम्पनियों के लिए चयनित हुए। इस दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया गया। संस्थान के प्लेसमेन्ट अधिकारी विनोद वर्मा ने बताया कि इस कैंपस प्लेसमेंट के लिए विभिन्न जिलों से 215 उम्मीदवार आए। जिनमें से कुल 167 उम्मीदवारों का चयन हुआ।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में चार नगर निगम चुनावों के लिए स्थापित किए गए वॉर रूम के पदाधिकारियों से बैठक में चुनाव से संबंधित काम काज का पूरा फीडबैक लिया। उन्होंने वॉर रूम के पदाधिकारियों से फील्ड में तैनात पार्टी पदाधिकारियों से पूरे तालमेल के साथ कार्य करने को कहा। राठौर ने कहा कि उन्होंने सोलन नगर निगम का दौरा पूरा कर लिया है। अब वो मंडी, पालमपुर व धर्मशाला के दौरे पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस का मुकाबला भाजपा सरकार से है। भाजपा के दुष्प्रचार का मुहं तोड़ जवाब देना होगा। कार्यकर्ताओं के साथ-साथ लोगों में भी कांग्रेस के प्रति उत्साह है। राठौर ने मुख्यमंत्री के उस बयान का उल्लेख किया जिसमें उन्होंने कहा है कि सरकार को प्रदेश में कार्य करने के दो साल ही मिले है जबकि एक साल कोरोना की वजह से बर्बाद हो गया। इस बयान पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार के पास लोगों की सहायता करने का पूरा मौका था, पर सरकार उस दौरान भी नाहन में 2022 मिशन रिपीट को लेकर बैठकों में मस्त थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के लोगों की हर प्रकार से मदद की, जबकि भाजपा के लोग अपनी ओछी राजनीति में ही जुटे रहें। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष के राजनैतिक सचिव हरिकृष्ण हिमराल, कांग्रेस प्रवक्ता किरण धान्टा के अतिरिक्त वॉर रूम के चारो नगर निगम के प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा, मुकल गुप्ता, ऊषा राठौर महेता व शशि बहल मौजूद थी।


















































