गुरु रविदास महाराज की 644वां प्रकाशोत्सव का गुरु रविदास समाज सभा अर्की के सौजन्य से छामला (दाड़लाघाट) में धूमधाम से आयोजित किया गया। इस मौके पर चंडीगढ़ से आए मुख्य रागी हरि सिंह के जत्थों द्वारा गुरु रविदास महाराज की वाणी का गुणगान व प्रचार किया गया।जिससे पूरा इलाका गुरुमय हो गया व लोगों ने गुरुवाणी का भरपूर आनंद लिया। इस दौरान अर्की की सभा के सदस्यों द्वारा चंडीगढ़ से आए विशेष रागी जत्थों को सरोचे देकर सम्मानित किया गया। गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, समरसता, बंधुतत्व तथा अकालपुरख की भक्ति के लिए प्रेरित किया था। जयंती में अर्की की कार्यकारिणी द्वारा सभी लोगों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। पंचकूला से आए डॉ विजय कुमार मिश्रा ने उपस्थित लोगों का उपचार किया। इस मौके पर 2 बजे के उपरांत भोग लगाकर भंडारे का आयोजन किया गया।वही गुरु रविदास महाराज के मंदिर की नींव भी रखी गई। इस अवसर पर सभा के प्रधान विजय भाटिया, उपप्रधान नरेश बंसल, सचिव सोनू, कोषाध्यक्ष संजीव, पूर्व उपप्रधान ताराचंद पंवर, पीएस बंसल, सीडी पंवर सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
आमतौर पर पुखरी बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती थी। कई बार एंबुलेंस को निकालने में भी काफी समय लग जाता था। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए भी देरी होती थी। स्थानीय निवासी राकेश कुमार, पविद्र ठाकुर, पूर्व प्रधान गोपाल ठाकुर, संजीव वर्मा, अनूप कुमार, दिनेश, धर्मेंद्र, यशपाल, रविद्र, कुशल कुमार, चमन, तिलक राज तथा उमेश सहित अन्य लोगों का कहना है कि पुखरी बाजार से होते हुए तीसा, सलूणी, खैरी, तेलका, सुरंगानी, माणी, झुलाड़ा तथा मसरूंड सहित अन्य स्थानों से वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। मार्ग से वाहनों की काफी अधिक आवाजाही होने से पुखरी बाजार में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी। ऐसे में वाहनों में सवार लोगों सहित स्थानीय लोगों को भी काफी दिक्कतें पेश आ रही थीं। यही कारण है कि उक्त समस्या का समाधान करवाने को लेकर लोगों द्वारा मांग की जा रही थी। लोगों द्वारा मांग करने व विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज द्वारा बजट मुहैया करवाने के बाद को लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग को चौड़ा करने का कार्य किया जा रहा है। ऐसे में निश्चित तौर पर आगामी समय में यहां पर जाम की स्थिति से छुटकारा मिलेगा। बाजार में खरीदारी करने के लिए पहुंचने वाले लोगों सहित दुकानदारों को भी काफी राहत मिलेगी।उधर, लोक निर्माण विभाग उपमंडल कोटी के सहायक अभियंता संजीव कुमार का कहना है कि लोगों के सहयोग से ही पुखरी बाजार की सड़क को चौड़ा करने में कामयाबी मिली है। उन्होंने बजट मुहैया करवाने के लिए विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज का भी आभार व्यक्त किया है।
कुनिहार की प्रसिद्ध प्राचीन शिव ताण्डव गुफा में शिवरात्रि के उपलक्ष्य पर 11 दिवसीय शिवमहापुराण कथा का आयोजन गुफा विकास समिति व शम्भु परिवार के सौजन्य से करवाया जा रहा है। समिति अध्यक्ष रामरतन तनवर ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा का शुभारम्भ रविवार 28 फरवरी से पुराण स्वागत व भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह कलश यात्रा सुबह 9 बजे प्राचीन शिव मन्दिर तालाब से आरम्भ होकर मुख्य कुनिहार बाजार से होते हुए कथा स्थल प्राचीन शिव ताण्डव गुफा पहुँचगी। कलश स्थापना के साथ ही कथा का शुभारम्भ होगा। जिसे 10 मार्च को पूर्णाहुति के साथ विराम दिया जाएगा। इस कथा को कथा वाचक राजकुमार रसिक ( साई वाले) अपने मुखारविंद से भक्तों को श्रवण करवाएंगे।कथा का समय दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक रहेगा व 4 से 6 बजे तक प्रतिदिन भण्डारा वितरण का कार्यक्रम रहेगा। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसमें कई कार्यक्रम होंगे व 12 मार्च को विशाल भण्डारा सभी क्षेत्र वासियों के लिए होगा। गुफा विकास समिति व शम्भु परिवार ने सभी शिव भक्तों से कथा श्रवण करने व अन्य कार्यक्रमो में बढ़चढ़ भाग लेने की अपील की है।
जनसंपर्क अभियान के 7वे दिन 26 फरवरी को बल्ह बचाओ किसान संघर्ष समिति ढाबन गाँव की बैठक मस्त राम सैनी की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित हवाई अड्डा क्षेत्र में ज्यादातर हमारी आबादी जो की नकदी फसलें जिसमें टमाटर, गोभी, मूली, पालक व अन्य फसलें ऊगा कर अपनी आजीविका कमा रहे है, उन लोगों को यहाँ से विस्थापित कर कहाँ पुनर्स्थापित करेंगे। सरकार के पास इस विषय में कोई भी वैकल्पिक योजना नहीं है। इसके अलावा कृषि के आधुनिक उपकरण/ मशीनरी , ट्रेक्टर, आरा मशीनरी, जेसीबी मशीने, ट्रक , टेम्पो, मिकसर, के व्यापार में जो लोग लगे है, वो बेरोजगार हो जाएंगे। उन्हें बेरोजगारी का दंश झेलना पड़ेगा। हरदेव सैनी ने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण कानून 2013 को पूरी तरह लागू नहीं कर रही है , पुनर्स्थापना और पुनर्निवास, रोजगार व बाज़ार भाव पर जमीन का मूल्य, जमीन के बदले जमीन, नौकरी देने की कोई नीति नहीं है। हमारे क्षेत्र में जमीन के सरकल रेट इतने कम है कि जमीन कोड़ियो के भाव, जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा घोषित ढाबन गाँव का सरकल रेट 2.05 (सड़क से100 मीटर बाहर) और 100 मीटर तक 11.20 लाख प्रति बीघा है। जबकि किसान 3-4 लाख प्रति बीघा नकदी फसलों से प्रति वर्ष कमा रहा है। हमारी जमीन का बाज़ार भाव इससे कई गुना जयादा है। किसानों को अगर बेदखल किया जाता है, तो इस रेट में हिमाचल में कही भी उपजाऊ जमीन नहीं मिलेगी। किसान सेहमें हुए है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रस्तावित हवाई अड्डे को गैर उपजाऊ जमीन पर बनाया जाए। उन्होंने ने लोगों से आह्वान किया है कि 1 मार्च की रैली में बढ़-चढ़ कर भाग ले और अपनी एकता का परिचय दे। इस बैठक में मस्तराम सैनी , हरदेव सैनी,सचिव रुआलू राम, जोगिन्दर वालिया, क्रिशन सैनी, रोशन लाल, जयराम सैनी, रणजीत सिंह, विदयासागर सैनी, हरिसिंह, राकेश, मनोज ब अन्य कमेटी सदस्य शामिल हुये I
रेल मंत्री पीयूष गोयल आज दोपहर को शिमला पहुंचेंगे। रेल मंत्री करीब डेढ़ बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे, वहां से प्रदेश सरकार के हेलीकाप्टर से 3:15 बजे अनाडेल हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद 4:30 बजे ओकओवर पहुंचकर मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश में चल रहीं रेलवे की परियोजनाओं पर चर्चा करेंगे। यह कार्यक्रम रेल मंत्रालय के उपनिदेशक सीएन मुरली ने जारी किया है। इस दौरे में मंत्री पीयूष गोयल की धर्मपत्नी सीमा गोयल और एपीएस विजय कुमार झा उनके साथ रहेंगे। बैठक के दौरान भानुपल्ली-बिलासपुर, बिलासपुर-लेह, अंब-अंदौरा-तलवाड़ा सहित अन्य रेल परियोजनाओं पर चर्चा होगी और महत्वपूर्ण फैसले भी लिए जाएंगे। इस बैठक में साल 2021-22 के लिए प्रस्तावित कार्यों पर भी बात की जाएगी।
हमीरपुर में बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में 14 मार्च से 13 अप्रैल तक लगने वाले वार्षिक चैत्र मास मेले के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां आरंभ कर दी हैं। जिलाधीश एवं बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास की आयुक्त देवाश्वेता बनिक ने शुक्रवार को दियोटसिद्ध में पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास के गैर सरकारी सदस्यों के साथ बैठक करके मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान सभी प्रबंधों विशेषकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर और इसके आस-पास के पूरे क्षेत्र को पांच सैक्टरों में बांटा गया है। इनमें लगभग 150 पुलिस कर्मचारियों और 175 होमगार्डों की तैनाती की जाएगी। जिलाधीश ने कहा कि कोरोना संकट के मद्देनजर इस बार मेले के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर के आस-पास के सभी मुख्य प्रवेश स्थलों पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधीश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मंदिर परिसर और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच करें। अगर परिसर में कुछ और कैमरों की आवश्यकता महसूस की जा रही है तो उसे भी जल्द पूरा करें। देवाश्वेता बनिक ने अग्रिशमन और जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को हाईड्रेंटों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जिलाधीश ने बताया कि कोरोना संकट को देखते हुए इस बार मंदिर परिसर में निजी लंगर और जागरण की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा की श्रद्धालुओं को कोरोना के खतरे के प्रति सचेत करने के लिए सभी मुख्य स्थलों पर बैनर लगाए जाएंगे। इनके अलावा खाने-पीने और रोट-प्रसाद की दुकानों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए जा रहे हैं, इनका नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा। मेेले के दौरान मंदिर परिसर प्रतिदिन कम से कम दो बार सेनिटाइज किया जाएगा। मेले के दौरान बिजली, पेयजल, चिकित्सा और अन्य सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। देवाश्वेता बनिक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर राज्य सरकार द्वारा दिए गए स्वर्णिम हिमाचल थीम को भी मेले के दौरान प्रदर्शित किया जाएगा। बैठक में एसपी कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, एडीएम जितेंद्र सांजटा, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं बड़सर के एसडीएम प्रदीप कुमार, होमगार्ड के कमांडेंट सुशील कुमार कौंडल, मंदिर अधिकारी, न्यासी कमल नयन शर्मा, न्यासी नरेश शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
हिमाचल प्रदेश की स्वर्णिम यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए वर्षभर विभिन्न 51 गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में हिमाचल तब और अब थीम पर झांकीनुमा रथ का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने स्वर्णिम हिमाचल की प्रतीक रथ यात्रा को आगामी 15 अप्रैल से प्रदेशभर में आरंभ करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा ने जिला परिषद सभागार में जिला में रथ यात्रा के दौरान की जाने वाली गतिविधियों पर मंथन करने के उद्देश्य से आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। बैठक में जिला के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि जिला में रथ यात्रा को यादगार बनाया जाएगा। यह रथ जिला के अनेक भागों में रूकेगा जहां आस-पास की 10 से 15 ग्राम पंचायतों केे चुने हुए प्रतिनिधि व आम लोगों को आमंत्रित करके हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। संबंधित क्षेत्रों की लोक संस्कृति और व्यंजनों का प्रदर्शन गतिविधियों के मुख्य हिस्सा होंगे। उपायुक्त ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान सभी स्थलों पर शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि रहेंगे। रथ यात्रा के ठहराव स्थलों पर चर्चा करते हुए उन्होंनेे कहा कि सर्वप्रथम रथ जिला मुख्यालय के ढालपुर मैदान में रूकेगा जहां एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। ढालपुर मैदान में आयोजित किए जाने वाले इस मेले में हजारों लोगों के आने की संभावना है। ढालपुर मैदान सांस्कृतिक गतिविधियों से सराबोर रहेगा। रथ यात्रा की अलग अलग जगहों पर तिथियों का ऐलान 15 अप्रैल के बाद किया जाएगा। इसके अलावा रथ रामबाग मनाली, सैंज, मेला ग्राउण्ड आनी, मेला ग्राउण्ड बंजार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला श्वाड़, रावमापा बागीपुल, निरमण्ड स्टेडियम में रूकेगा। सभी जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि मनाली में मार्च माह के दौरान अंतरराष्ट्रीय फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनाली में देश-दुनिया से हजारों सैलानी हर रोज आते हैं। फूड फेस्टिवल में सभी देशों व प्रदेशों के व्यंजनों के स्टाॅल स्थापित किये जाएंगे। जिला के विभिन्न भागों के व्यंजनों को मुख्य तौर पर प्रदर्शित करने के प्रयास किए जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि सिड्डू के अलावा जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत से ऐसे व्यंजन बनाए जाते हैं जो औषधीय गुणों से भरपूर हैं और अत्यंत स्वादिष्ट हैं। इन व्यंजनों का जिला से बाहर प्रचार नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि फूड फेस्टिवल में स्थानीय लोगों को स्थानीय उत्पादों पर आधारित अलग तरह के व्यंजन बनाने से अच्छी आय होने की संभावना है। फूड फेस्टिवल के बड़े स्तर पर आयोजन के लिए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अभी से तैयारियां करने को कहा। उन्होंने कहा कि महिला मण्डलों व स्वयं सहायता समूहों की इसमें भागीदारी सुनिश्चित बनाई जाएगी। उपायुक्त ने सभी विभागों को हिमाचल तब और अब थीम पर आधारित तुलनात्मक डाटा तैयार कर जल्द उन्हें सौंपने को कहा है। उन्होंने कहा कि विकास की यात्रा में कुल्लू जिला कहां से कहां तक पहुंच चुका है, यह सब कुछ फोटो व ग्राफिक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बागवानी के क्षेत्र में जिला ने अपार उन्नति हासिल की है। प्रदेश के पूर्ण राज्य बनने से पहले जिला में बागवानी न के बराबर थी, लेकिन आज लोगों की आर्थिकी का अह्म हिस्सा बन चुकी है। इसी प्रकार, स्वास्थ्य, शिक्षा व सड़क क्षेत्रों में अभूतपूर्व उन्नति हुई है।
जिला कुल्लू की द कुल्लू वैली रिजनल कोपरेटिव मार्केटिंग कंजयूमर सोसायटी की वार्षिक आम बैठक का आयोजन भुंतर में शुक्रवार को किया गया। इस बैठक में सोसायटी की साल भर की गतिविधियों पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी एक वर्ष की गतिविधियों के लिए भी रणनीति तैयार हुई। इस बैठक में जिला सहकार संघ के अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर ने विशेष तौर पर भाग लिया। इसके अलावा प्रधान सेना पाल शर्मा, उपप्रधान रोहित ठाकुर सहित सोसायटी के अधीन आने वाले सभी सहकारी सभाओं के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पिछले एक साल की समीक्षा के साथ एक साल के आय-व्यय का भी ब्यौरा रखा गया। बैठक में नए साल के लिए अनुमानित बजट पर भी चचा करने, सोसायटी द्वारा आदर्श उप-विधियां अपनाने, भागधन सदस्य को बढ़ाने तथा मृत माल को बट्टे खाते में डालने सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। सत्य प्रकाश ठाकुर ने सोसायटी को बेहतर कार्य करने के लिए सराहा और कहा कि सहकारी सभाओं को इससे अच्छा लाभ मिल रहा।
कोविड-19 से सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यान्वित किए जा रहे टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत आज सोलन जिला के 12 स्थानों पर 295 फ्रन्ट लाईन वर्करों तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कोविड-19 से बचाव के लिए टीका लगाया गया। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ.राजन उप्पल ने दी। उन्होंने कहा कि जिला में 130 फ्रन्ट लाईन वर्करों को टीका लगाया गया। उन्होंने कहा कि 138 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कोविड-19 टीकाकरण की पहली डोज तथा 165 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को टीकाकरण की दूसरी डोज लगाई गई। डाॅ.राजन उप्पल ने कहा कि सभी लाभार्थियों को टीके के सम्बन्ध में पूर्व में मोबाईल पर सूचना प्रेषित की गई थी। उन्होंने कहा कि 28 दिन के उपरांत दूसरा टीकाकरण होगा। आम जन की सुरक्षा एवं टीकाकरण की व्यापकता के दृष्टिगत सभी को इस दिशा में न केवल अफवाहों से बचना होगा अपितु कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए कोई ढिलाई भी नहीं बरतनी होगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक कवर करते हुए मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और बार-बार अपने हाथ साबुन से धोएं या एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से साफ करें।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल 28 फरवरी, 2021 को सोलन जिला के प्रवास पर आ रहे हैं। डाॅ. सैजल 28 फरवरी, 2021 को प्रातः 9.40 बजे से दून विधानसभा क्षेत्र के बरोटीवाला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ उपस्थित रहेंगे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तदोपरान्त दिन में 1.00 बजे कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चामियां में जनसमस्याएं सुनेंगे। डाॅ. सैजल इसी दिन सांय 4.00 बजे सोलन विधानसभा क्षेत्र के देहूंघाट श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में आयोजित भण्डारे में भाग लेंगे तथा ग्राम पंचायत सपरून में जनसमस्याएं सुनेंगे।
मैसर्ज वर्धमान टैक्सटाइल्स लिमिटिड बद्दी, जिला सोलन द्वारा ऑपरेटर के 300 पदों के लिए 2 मार्च, 2021 को कैम्पस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां जिला रोजगार अधिकारी संदीप ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि यह कैम्पस इंटरव्यू आठवीं से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण उम्मीदवारों के लिए आयोजित किया जाएगा। इसमें 18-30 वर्ष आयुवर्ग के इच्छुक उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। संदीप ठाकुर ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार सभी अनिवार्य दस्तावेजों सहित उप रोजगार कार्यालय कसौली, जिला सोलन में कैम्पस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष संख्या 01792-227242 तथा मोबाईल नम्बर 86269-76454 एवं 94188-18977 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
सोलन जिला के विकास खण्ड नालागढ़ व धर्मपुर की ग्राम सभाओं की वर्ष 2021 की प्रथम बैठक अब 07 मार्च, 2021 को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी आज यहां जिला पंचायत अधिकारी मोती राम ने दी। उन्होंने कहा कि पूर्व में विकास खण्ड नालागढ़ तथा धर्मपुर की ग्राम सभाओं की प्रथम बैठक 28 फरवरी, 2021 को निर्धारित की गई थी। किन्हीं प्रशासनिक कारणों के दृष्टिगत अब यह प्रथम बैठक 07 मार्च, 2021 को आयोजित की जाएगी।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से सम्बद्ध सप्तक कलामंच के कलाकारों ने आज नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत किरपालपुर तथा लोधी माजरा में गीत-संगीत तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत राज्य में 2.85 लाख महिलाओं को निःशुल्क गैस कुनैक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। इससे महिलाओं को जहां खाना पकाने के चुल्हे के धुएं से मुक्ति मिली है वहीं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित हुआ है। इस कार्यक्रम के साथ ही विशेष प्रचार अभियान संपन्न हो गया। कलाकारों ने लोगों को अवगत करवाया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस कुनैक्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है। लोगों को बताया गया कि सोलन जिला में योजना के तहत अब तक 16 हजार से अधिक लाभार्थियों को गैस कुनैक्शन निःशुल्क प्रदान किए गए हैं। कलाकारों ने सामाजिक सुरक्षा पैंशन, मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा हिमकेयर योजना की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। कलाकारों ने इस अवसर पर लोगों को कोराना वायरस से बचाव तथा नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया। लोगों को बताया गया कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए कोई ढिलाई नहीं बरतनी होगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक कवर करते हुए मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों को बताया गया कि नशा करने वाला व्यक्ति न केवल स्वयं का नुकसान करता है अपितु इससे परिवार भी पूरी तरह बिखर जाता है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत किरपालपुर के उप प्रधान मुकेश सिंह, वार्ड सदस्य सरोज देवी, रामकौर, मुख्य अध्यापिका प्रवीण कुमारी, ग्राम पंचायत लोधी माजरा के उप प्रधान गुरचरण सिंह, वार्ड सदस्य तरसेम लाल, जीतो देवी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
आयुष विभाग द्वारा सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड में एनीमिया जागरूकता शिविरों की कड़ी में आज ग्राम पंचायत नारायणी, नाहरी तथा कालूझिंडा में 353 व्यक्तियों की जांच की गई। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि इन ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में 353 व्यक्तियों की एनीमिया के लिए जांच की गई एवं उचित परामर्श प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत नारायणी में 140, ग्राम पंचायत कालूझिंडा में 118 तथा ग्राम पंचायत नाहरी में 95 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर बहुत कम पाया गया, उन्हें पूरी जांच के लिए परामर्श दिया गया। डाॅ.राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि इन शिविरों में लोगों को बताया गया कि एनीमिया रोग का पूर्ण निदान सम्भव है तथा उचित पोषाहार के माध्यम से सदैव एनीमिया से बचा जा सकता है। शरीर में रक्त की कमी के कारण एनीमिया होता है। एनीमिया के कारणों में सबसे प्रमुख कारण शरीर में आयरन की कमी है। जब आपके आहार में लौह तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं होता है, तब व्यक्ति एनीमिया पीड़ित हो जाता है। इसके अलावा अगर किसी भी कारण से शरीर में रक्त की कमी हो जाती है तो भी यह समस्या उत्पन्न होती है। चोट लगने पर खून निकलना, माहवारी या प्रसव में अधिक मात्रा में खून का बहना भी एनीमिया का एक कारण है। शिविर में लोगों से आग्रह किया गया कि अपने भोजन में नियमित आधार पर फल एवं सब्जियां लें। इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने प्रथम मार्च, 2021 को ग्राम पंचायत चण्डी के बेड चण्डी, ग्राम पंचायत बरोटीवाला के पंचायत घर तथा ग्राम पंचायत जाबली के पंचायत घर में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।03 मार्च को ग्राम पंचायत कसौली गढ़खल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सनावर, ग्राम पंचायत गनोल के पंचायत घर, ग्राम पंचायत पट्टानाली के पंचायत घर परोल, ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के पंचायत घर, ग्राम पंचायत बुघारकनैता के सामुदायिक केन्द्र बघार घाट तथा ग्राम पंचायत बरोटीवाला के बुरांवाला शिव मंदिर में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। आज आयोजित शिविरों में आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ.मंजेश शर्मा, डाॅ.सपना शर्मा, डाॅ.कामिनी, आयुर्वेद विभाग के कर्मचारी दिनोश, शंकर, सोनू, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 28 फरवरी, 2021 को कैंसर रोग के निदान एवं परीक्षण के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. एन.के. गुप्ता ने दी। डाॅ. गुप्ता ने कहा कि इस शिविर का आयोजन क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की केंसर केयर यूनिट की ओपीडी के कमरा नम्बर 222 में किया जाएगा। शिविर के लिए पहले से पंजीकरण करवाना आवश्यक है। शिविर में देश के प्रख्यात कैंसर रोग विशेषज्ञ डाॅ. दिनेश पेंडारकर उपस्थित रहेंगे। डाॅ. गुप्ता ने कैंसर के रोगियों से आग्रह किया है कि पंजीकरण करवाकर 28 फरवरी को आयोजित होने वाले इस शिविर का लाभ उठाएं।
28 फरवरी के दून विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम में आंशिक संशोधन करेंगे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 28 फरवरी, 2021 को सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आ रहे हैं। उनके प्रवास कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब मुख्यमंत्री 28 फरवरी, 2021 को प्रातः 09.45 बजे नालागढ़ उपमण्डल के तहत दून विधानसभा क्षेत्र के बरोटीवाला (बटेड़ गांव) में चिकित्सा खण्ड चण्डी के अन्तर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर-3 की आधारशिला रखेंगे। वे तदोपरांत प्रातः 10.10 बजे सन सिटी रोड बद्दी में सन सिटी मार्ग के बाईं ओर इण्डोर स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे तथा बद्दी प्रवेश पुल से पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी के समीप स्थित पेट्रोल पम्प तक सन सिटी मार्ग के फोरलेन कार्य का शिलान्यास करेंगे। जयराम ठाकुर प्रातः 10.45 बजे से होटल ली मेरिएट में भारतीय जनता पार्टी के आईटी विभाग प्रकोष्ठ की बैठक में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री होटल ली मेरिएट में तदोपरान्त ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे। जयराम ठाकुर दिन में 12.00 बजे हाण्डा कुण्डी में गौ अभ्यारण्य का लोकार्पण करेंगे। उसके बाद वे हाण्डा कुण्डी में जिला की बद्दी तहसील में स्थित धर्मपुर भूपनगर तथा कोटला की उठाऊ जलापूर्ति योजना के लिए ट्यूबवेल उपलब्ध करवाने, बद्दी तहसील में गांव खरोटा गुरदासपुरा एवं साथ लगते गांव के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना तथा बडेहरी एवं साथ लगते गांवों के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री जल जीवन मिशन के तहत उठाऊ जलापूर्ति योजना भटोलीकलां के पुनः संयोजन एवं सुधार कार्य, जलजीवन मिशन के तहत किशनपुरा एवं साथ लगते गांवों की उठाऊ जलापूर्ति योजना के पुनः संयोजन एवं सुधार कार्य तथा मलपुर एवं साथ लगते गांवों की उठाऊ जलापूर्ति योजना के पुनः संयोजन एवं सुधार कार्य का शिलान्यास भी करेंगे। जयराम ठाकुर राजपूत बस्ती थाना के लिए रत्ता खड्ड पर निर्मित होने वाले 60 मीटर लम्बे स्पैन पुल के निर्माण कार्य की आधारशिला रखेंगें। वे महिला पुलिस थाना बद्दी का शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री हाण्डा कुण्डी में एक जनसभा को सम्बोधित करेंगे।
26 फरवरी को गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यालय के पूर्व छात्र नमन मालपानी को सम्मानित किया गया। नमन मालपानी ने 2015-16 को गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से वाणिज्य वर्ग में 93% अंक प्राप्त कर 12वीं कक्षा पास की थी। अब वह भारतीय स्तर पर हाल ही में हुई सीए परीक्षा में 45वां स्थान प्राप्त कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बन चुके हैं। यह उपलब्धि उन्होंने मात्र 21 वर्ष की आयु में प्राप्त की है। उनकी इसी उपलब्धि और खुशी को विद्यालय ने उनके साथ साझा किया तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रवीणा झा ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वंही, विद्यालय में विश्व विज्ञान दिवस के अवसर पर नारा लेखन तथा मॉडल मेकिंग गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 6 से लेकर 12 वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पंचायत धुन्दन में पंचायत स्तरीय एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पंचायत प्रधान शंकुतला शर्मा ने की। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पर्यवेक्षिका वृत्त भराड़ीघाट धर्मी देवी विशेष रूप से उपस्थित रही। इस मौके पर मुहिम आंदोलन के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बेटियों को बधाई पत्र दिया गया तथा सभी को इस योजना बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर उर्मिला कपिल, जीवनलता, मंजू, मीना, रामकली, शकुंतला, वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया।
अनुबंध कर्मचारी महासंघ जिला सोलन के अध्यक्ष कपिल भारद्वाज ने बैठक में अनुबंध कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को इस बजट सत्र में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से अनुबंध कार्यकाल 2 साल होने की उम्मीद जताई है। प्रदेश के लगभग 17000 अनुबंध कर्मचारियों को एकमात्र उम्मीद बजट सत्र से है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने समय-समय पर कर्मचारियों की पीड़ा को समझा है। जब भी महासंघ ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की तो उन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया है। अगर सरकार इस बजट सत्र में अनुबंध कार्यकाल 2 साल कर देती है, तो अनुबंध कर्मचारियों के एक बहुत बड़े वर्ग को इससे फायदा मिलेगा। सभी अनुबंध कर्मचारी बजट सत्र में पूर्ण उम्मीद लगाए बैठे हैं। अनुबंध कर्मचारी महासंघ जिला सोलन अध्यक्ष कपिल भारद्वाज,उपाध्यक्ष कमल,महासचिव रमेश,सदस्य अजय पाठक, गीतांजलि, आशीष, पुष्पेंद्र, सुनील कुमार आदि को सरकार से पूर्ण आशा है कि इस बजट सत्र में अनुबंध कार्यकाल 2 साल करके अनुबंध कर्मचारियों को सरकार तोहफा देगी। भारतीय जनता पार्टी ने 2017 में जो अपने दृष्टि पत्र में वादा किया था, उस वादे को भी पूरा करेगी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन विपक्ष के हंगामे के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुरक्षा कर्मियों सहित मंत्रियों के साथ बैठक आयोजित की और दोबारा से सदन बुलाया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि सदन के स्थगित होने के बाद सदन बुलाया गया हो। इस सदन का गौरवमयी इतिहास रहा है। लेकिन आज की घटना इतिहास में कभी नहीं हुई। सीएम ने कहा कि नेतृत्व विफल हुआ इसी वजह से लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत लड़ने की क्षमता नहीं है। राज्यपाल के साथ ऐसा व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जमीन पर रहिये वरना जमीन में गाड़ देती है जनता।
शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरू होते ही को विपक्ष ने हंगामा कर दिया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने 11 बजे अभिभाषण पढ़ना शुरू किया और 11:14 पर कांग्रेस विधायकों ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। राज्यपाल ने 11:16 पर अभिभाषण को खत्म कर दिया। इस बीच नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने महंगाई का सवाल उठाया साथ ही अभिभाषण को भी जूठा करार दिया। बजट सत्र में पहली बार ऐसा हुआ है कि अभिभाषण के दौरान इतना बड़ा हंगामा हुआ हो। वहीं जब राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय राजभवन जाने लगे तो इस दौरान विधानसभा के काउंसिल चैंबर गेट पर राज्यपाल की गाड़ी के आगे खड़े होकर कांग्रेस दल ने नारेबाजी की। मामला इतना गरमा गया कि विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज और कांग्रेस विधायकों के बीच धक्कामुकी हो गई। कांग्रेस के पांच विधायको को पूरे सत्र के लिए बर्खास्त कर दिया गया है। जिनमें नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, सतपाल रायज़ादा, हर्षवर्दन, विनय कुमार, सुंदर सिंह शामिल है
तेलका क्षेत्र में इन दिनों तेंदुए का आतंक काफी बढ चुका है,लोगो के अंदर तेंदुए का केहर बढ़ता जा रहा है, लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की संख्या 4 -5 हो गई है जिस कारण यह प्रतिदिन कहीं न कहीं नजर आने लगे हैं, बुधवार देर रात को तेंदुए ने ग्राम पंचायत बाडका के डंडी गाँव में कमलेश कुमार के पालतू कुत्ता व् एक गाय शिकार किया। साथ ही लोगो के चीलाने का भी कोई असर उसमे देखने को नहीं मिला हालांकि लोगों ने हल्ला मचा कर तेंदुए की पकड से कुत्ते को छुडाया परंतु तब तक कुत्ता दम तोड़ चुका था । वहीं पिछले दिनों से डंडी गाँव के पवन कुमार की एक भेड , जगतू राम की दो भेडों व तिलक राज की दो भेडों को तेंदुआ अपना निवाला बनाकर खा चुका है । तेंदुए के इस आक्रमक रुख से लोग काफी सहमे हुए हैं। वो चारागाह में अपनी भेड बकरियों व पशुओं को काफी चौकन्ने होकर चराने लगे हैं। लोगों का कहना है कि तेंदुओं की संख्या बढी हुई लग रही है जिससे वो हर कहीं लोगों को नजर आने लगे हैं। महिलाओं का चारागाह से चारा लाने में मुश्किल उठानी पड रही है। लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द यदि इन तेंदुए का कोई उपचार नहीं किया गया तो यह आदमियों पर भी जानलेवा हमला कर सकते हैं। लोगों ने विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ कर कहीं दूर छोड़ा जाए ताकि उन्हें तेंदुए की समस्या से निजात मिल सके। "तेंदुए द्वारा मारी गई भेडों की डाक्टरी रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा दे दिया जा सकेगा । जल्द ही तेंदुए को पकड़ने की टीम बुलाकर पिंजरा लगवाकर लोगों को राहत दी जाएगी ।
बिजली महादेव कुल्लू जिला के खराहल घाटी के चनसारी गांव होकर बिजली महादेव की पहाड़ी पर पहुंचते हैं। यहाँ बिजली महादेव जी का मंदिर है और विशाल मैदान है। यहाँ हर बर्ष टूरिस्ट व श्रद्धालु सावन माह और शिवरात्रि को जाते हैं। सावन माह में यहाँ मेला लगता है। बिजली महादेव को रामशिला से चनसारी तक बस सफर तय किया जाता है उसके बाद पैदल यात्रा शुरू होती है। सावन माह में बसों में भी काफी भीड़ होती है। इसलिए पड़ा नाम बिजली महादेव आकाशवाणी बिजली शिवलिंग पर गिरने के बारे में कहा जाता है कि शिव नही चाहते थे कि बिजली गिरे तो जनमानस को नुकसान हो इसलिए शिव ने लोगो को बचाने के लिए अपने ऊपर गिरवाते हैं। इसी वजह से भगवान शिव को बिजली महादेव कहा जाता है। इस रमणीय स्थान को 10 किलोमीटर सफर तय करके पहुंचा जाता है। हर 12 साल में शिवलिंग पर गिरती है आसमानी बिजली कुल्लु में व्यास व पार्वती नदी का संगम स्थान के ठीक पर्वत के ऊपर बिजली महादेव का प्राचीन मंदिर है। मान्यता है कि यह घाटी विशालकाय सांप का रूप है इस सांप का वध भगवान शिव किया था। और जिस स्थान मंदिर स्थित है उसमें गर्व गृह में शिवलिंग स्थापित है और उसी शिवलिंग पर आसमानी बिजली गिरती है । बिजली गिरने से शिवलिग खंडित हो जाती है और टुकड़े टुकड़े हो जाते हैं । पुजारी को सपना होता है की टुकड़े वहां गिरे हुए हैं । पुजारी उन टुकड़ों को इकठ्ठा करता है और म खन। से जोड़ता है और शिवलिंग एक बार फिर ठोस रूप में परिवर्तित हो जाती है। बिजली महादेव में श्रद्धालु ओ की मनोकामना होती है पूरी बिजली महादेव में जो श्रद्धालु सच्चे मन से दर्शन करने आते हैं उनकी मनोकामना पूर्ण होती है। खासकर यदि बिजली महादेव में प्रेमी जोड़े दर्शन व मनोकामना मांगे तो वो अवश्य ही पूरी होती है। और बिजली महादेव जिनकी संताने व पुत्र प्राप्ति के लिए दरवार में आते है उन्हें पुत्र प्राप्ति होती है।
श्री राम मंदिर धन संग्रह में जन मानस पूर्ण सहयोग दे रहा है। शहर ही नहीं गांव की गली-मोहल्लों में राम भक्त टोलियां बनाकर धन संग्रह कर रहे हैं। जिसमें श्रद्धालु पूरे मन से दान करते हुए उत्साह दिखा रहे हैं। मंदिर निर्माण में दान करने से बच्चे भी पीछे नहीं हट रहे हैं। दाड़लाघाट में जिला प्रचारक श्रीदेव के नेतृत्व में जैसे ही धन संग्रह के लिए टीम गांव कोटला नुम्हाला के निवासी योगेश गौतम ओर ललित गौतम के घर मे पहुंची तो छोटे छोटे बच्चे कनुप्रिया,यशिता,गौरंशी एवं जीवा ने अपने गुल्लक फोड़ कर उसमें से श्री राम मंदिर निर्माण के लिए धनराशि दी। इस दौरान छोटे बच्चो ने अपनी गुल्लक तोड़कर उसमें से श्री राम मंदिर निर्माण के लिए 5100 रूपए की धनराशि भेंट की। इस मौके पर जिला प्रचारक श्री देव,व्यवस्था प्रमुख प्रदीप गौतम,विस्तारक हरीश कुमार,महाविद्यालय प्रमुख अश्विनी ठाकुर,वीरेन्द्र गौतम,योगेश गौतम,ललित गौतम,अरुण गौतम,कनुप्रिया,यशिता,गौरंशी,जीवा सहित उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 28 फरवरी, 2021 को सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री 28 फरवरी, 2021 को प्रातः 10.00 बजे नालागढ़ उपमण्डल के तहत दून विधानसभा क्षेत्र के बरोटीवाला (बटेड़ गांव) में चिकित्सा खण्ड चण्डी के अन्तर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर-3 की आधारशिला रखेंगे। वे तदोपरांत प्रातः 10.20 बजे सन सिटी रोड बद्दी में सन सिटी मार्ग के बाईं ओर इण्डोर स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। वे इसके बाद बद्दी प्रवेश पुल से पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी के समीप स्थित पेट्रोल पम्प तक सन सिटी मार्ग के फोरलेन कार्य का शिलान्यास करेंगे। जयराम ठाकुर तदोपरांत प्रातः 10.55 बजे से होटल ली मेरिएट में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे। मुख्यमंत्री प्रातः 11.40 बजे हाण्डा कुण्डी में गौ अभ्यारण्य का लोकार्पण करेंगे। जयराम ठाकुर तदोपरांत हाण्डा कुण्डी में जिला की बद्दी तहसील में स्थित धर्मपुर भूपनगर तथा कोटला की उठाऊ जलापूर्ति योजना के लिए ट्यूबवेल उपलब्ध करवाने, बद्दी तहसील में गांव खरोटा गुरदासपुर एवं साथ लगते गांव के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना तथा बधेरी एवं साथ लगते गांवों के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री तदोपरांत जल जीवन मिशन के तहत उठाऊ जलापूर्ति योजना भटोलीकलां के पुनः संयोजन एवं सुधार कार्य, जलजीवन मिशन के तहत किशनपुरा एवं साथ लगते गांवों की उठाऊ जलापूर्ति योजना के पुनः संयोजन एवं सुधार कार्य तथा मलपुर एवं साथ लगते गांवों की उठाऊ जलापूर्ति योजना के पुनः संयोजन एवं सुधार कार्य का शिलान्यास भी करेंगे। जयराम ठाकुर तदोपरांत राजपूत बस्ती थाना के लिए रत्ता खड्ड पर निर्मित होने वाले 60 मीटर लम्बे स्पैन पुल के निर्माण कार्य की आधारशिला रखेंगें। वे महिला पुलिस थाना बद्दी का शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री तदोपरांत हाण्डा कुण्डी में एक जनसभा को सम्बोधित करेंगे। जयराम ठाकुर तदोपरांत दिन में 2.05 बजे होटल ली मेरिएट में भारतीय जनता पार्टी के आईटी विभाग प्रकोष्ठ की बैठक में शिरकत करेंगे।
प्रदेश सरकार राज्य में महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जहां पात्र कन्याओं को लाभान्वित कर उनके भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रही है वहीं लोगों को इस दिशा में जागरूक भी बना रही है। यह जानकारी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से सम्बद्ध सप्तक कलामंच के कलाकारों ने आज नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत मंझोली तथा दभोटा में गीत-संगीत तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने लोगों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अवगत करवाया कि लड़का-लड़की में कोई भेदभाव न करें और लड़कियों को सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें। कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह को अवगत करवया कि महत्वकांक्षी बेटी है अनमोल योजना के अन्तर्गत लड़कियों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए 77 हजार लाभार्थियों को लगभग 26 करोड़ रुपए प्रदान किए गए हैं। लोगों को बताया गया कि योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों में जन्मी बालिकाओं के नाम बैंक अथवा डाकघर में 12 हजार रुपए की राशि जमा की जाती है। पर्वतीय कलामंच दाड़वा के कलाकारों ने कुनिहार विकास खण्ड की ग्राम पंचायत गयाणा तथा घनागुघाट में लोगों को कल्याणकारी नीतियों की जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने सामाजिक सुरक्षा पैंशन, हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा हिमकेयर योजना की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। कलाकारों ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत बेसहारा लड़कियों के विवाह के लिए दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर 51 हजार रुपए किया गया है। योजना के तहत 5 हजार लड़कियों को लगभग 19 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की गई है। कलाकारों ने इस अवसर पर लोगों को कोराना वायरस से बचाव तथा नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया। लोगांे को बताया गया कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए कोई ढिलाई नहीं बरतनी होगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक कवर करते हुए मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों को बताया गया कि नशा करने वाला व्यक्ति न केवल स्वयं का नुकसान करता है अपितु इससे परिवार भी पूरी तरह बिखर जाता है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मंझोली की प्रधान कुलदीप कौर, उप प्रधान अवतार सिंह, वार्ड सदस्य कुलदीप कुमार, मुख्य अध्यापक देवेंद्र कुमार शर्मा, ग्राम पंचायत दभोटा के प्रधान कर्णवीर, पंचायत सचिव सुरजीत कुमार, वार्ड सदस्य कुलदीप सिंह, सिमरन कौर, ग्राम पंचायत ग्याणा के प्रधान कर्म चन्द, वार्ड सदस्य रूप चंद, रीना देवी, सोनिया, परस राम, ग्राम पचंायत घनागुघाट की प्रधान मधुबाला, उप प्रधान प्रवीण, वार्ड सदस्य देवीचंद, धर्मपाल, कुलदीप, सोनिया, उमावती तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
आयुष विभाग द्वारा आज सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत कृष्णगढ़, जंगेशु, सूरजपुर, हुड़ंग तथा घड़सी में लोगों को एनीमिया के बारे में जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित किए गए। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि इन ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में 742 रोगियों की एनीमिया जांच की गई। ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ 163, ग्राम पंचायत जंगेशु में 99, ग्राम पंचायत सूरजपुर में 95, ग्राम पंचायत हुड़ंग में 240, ग्राम पंचायत गांगुड़ी में 69 तथा ग्राम पंचायत घड़सी में 76 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर बहुत कम पाया गया, उन्हें पूरी जांच के लिए परामर्श दिया गया। इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि 26 फरवरी को ग्राम पंचायत नारायणी के पंचायत घर, ग्राम पंचायत नाहरी के पंचायत घर, ग्राम पंचायत कालूझिंडा के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र कालूझिंडा में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। आज आयोजित शिविरों में आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ. मंजेश शर्मा, डाॅ. प्रियंका सूद, डाॅ. कामिनी, डाॅ. रक्षा, डाॅ. प्रियंका किमटा, डाॅ. साक्षी, आयुर्वेद विभाग के कर्मचारी वर्धा, शंकर, सोनू, बबली, मधु, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने जिला के सभी उपमण्डलाधिकारियांे को निर्देश दिए हैं कि जिला में स्थापित सभी सामान्य सेवा केन्द्रों एवं लोकमित्र केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित बनाएं कि महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत एवं हिमकेयर योजना के तहत लाभार्थियों से सम्बन्धित कार्ड बननवाने के लिए अधिक शुल्क न वसूला जाए। केसी चमन आज यहां आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। केसी चमन ने कहा कि केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थी परिवार को 05 लाख रुपए तक का कैशलेस उपचार कवर उपलब्ध करवाया जा रहा है। योजना के दायरे से बाहर रह गए परिवारों को हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा हिमकेयर योजना के तहत यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुरूप आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठाने के लिए गोल्डन कार्ड बनाया जाना आवश्यक है। यह कार्ड सूचिबद्ध अस्पतालों एवं लोकमित्र केन्द्रों में बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि गोल्डन कार्ड के लिए नामांकन करने एवं कार्ड मुद्रित करने के लिए सामान्य सेवा केन्द्रों एवं लोकमित्र केन्द्रों पर प्रति लाभार्थी 30 रुपए शुल्क लेने का प्रावधान है। सूचिबद्ध अस्पतालों में लाभार्थियों का नामांकन करने के लिए कोई शुल्क नहीं वसूला जाता। केसी चमन ने कहा कि हिमकेयर कार्ड बनाने के लिए सामान्य सेवा केन्द्रों एवं लोकमित्र केन्द्रों पर प्रति परिवार 50 रुपए शुल्क लेने का प्रावधान है। उपायुक्त ने उपमण्डलाधिकारियों का निर्देश दिए कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में यह सुनिश्चित बनाएं कि आयुष्मान भारत योजना एवं हिमकेयर योजना के तहत बनाए जाने वाले कार्ड के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि न वसूली जाए। इस दिशा में उपमण्डल स्तर पर सभी सम्बद्ध अधिकारियों को उचित निर्देश जारी किए जाएं। बैठक में जानकारी दी गई कि सोलन ज़िला में आयुष्मान भारत योजना के तहत अभी तक 60599 लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। योजना के लिए जिला में सूचिबद्ध 22 अस्पतालों में लाभार्थियों को लगभग 4.85 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की गई है। हिमकेयर योजना के अंतर्गत अभी तक जिला में 49800 लोगों के कार्ड बनाए गए हैं। इस योजना के तहत लाभार्थियों को 4.96 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की गई है। बैठक में उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी अर्की विकास शुक्ला, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, आदेशक गृह रक्षा डाॅ. शिव कुमार शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक योगेश दत्त जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, उपनिदेशक उच्च शिक्षा योगेन्द्र मखैक, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. अजय सिंह, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजकुमार, जिला के सभी चिकित्सा खण्डों के खण्ड चिकित्सा अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने जिला के सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे निर्धारित समय अवधि में कोविड-19 से बचाव के लिए अपना टीकाकरण सुनिश्चित बनाएं। केसी चमन आज यहां कोविड-19 टीकाकरण के लिए गठित जिला कार्यबल की प्रथम बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। केसी चमन ने कहा कि कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए पूरे देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और सोलन जिला में वृहद स्तर पर टीकाकरण सुनिश्चित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम अग्रिम पंक्ति में खड़े कोरोना योद्धाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण के तहत दवा की 02 डोज टीके रूप में लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना योद्धाओं का टीकाकरण पूरे समाज की सुरक्षा के लिए आवश्यक है इसलिए शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त किया जाना अनिवार्य है। उपायुक्त ने कहा कि जिला में कोविड-19 टीकाकरण का कार्य सफलतापूर्वक किया जा रहा है। जिला में अब तक 5220 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए टीके की प्रथम डोज लगाई जा चुकी है। 746 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को टीके की दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। शेष का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने जिला के सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा फ्रन्ट लाईन वर्करों का आह्वान किया कि प्रथम मार्च 2021 तक अपने समीप के टीकाकरण केन्द्र में जाकर टीकाकरण कार्यक्रम के तहत दूसरी डोज लेना सुनिश्चित बनाएं। उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 का टीका पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने स्वयं भी टीकाकरण करवाया है। कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण करवाना आवश्यक है। बैठक में कोविड-19 टीकाकरण के सफल कार्यान्वयन पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी अर्की विकास शुक्ला, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, आदेशक गृह रक्षा डाॅ. शिव कुमार शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक योगेश दत्त जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, उपनिदेशक उच्च शिक्षा योगेन्द्र मखैक, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. अजय सिंह, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजकुमार, जिला के सभी चिकित्सा खण्डों के खण्ड चिकित्सा अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
एकीकृत सहकारी विकास परियोजना द्वारा कोठी गहरी में सहकारी सभाओं के सदस्यों सचिवों को किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया ।परियोजना अधिकारी राकेश ठाकुर ने जिला में 90 करोड़ की परियोजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी ,उन्होंने प्रशिक्षण का महत्व समझाते हुए कहा कि प्रशिक्षण से ज्ञान तो प्राप्त होता ही है बल्कि विशिष्ट कौशल भी पैदा होता है तथा कार्य व्यवहार में करने की क्षमता आती है उन्होंने बताया कि परियोजना के माध्यम से सदस्यों सचिवों को दी एग्रीकल्चर कोऑपरेटिव स्टाफ ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट शांगटी शिमला व दूसरे राज्यों में प्रशिक्षण तथा अध्ययन भ्रमण के लिए भेजा गया ताकि वहां से प्रेरित होकर वह भी अपनी सभाओं को विकसित कर सकें ।उन्होंने कहा कि सहकारी सभाएं दिशाहीन ना बने सही रास्ता खोजने हेतु अग्रसर रहें। उन्होंने कहा कि अगर सभाएं तरक्की करना चाहती हैं तो ज्यादा से ज्यादा महिलाओं व युवाओं को अपने साथ जोड़ें। सभाओं को दी जाने वाली सब्सिडी सभाओं की तकदीर बदलने में सहायक सिद्ध हो सकती हैं। कोविड-19 जैसी भयानक बीमारियों से बचने के लिए उन्होंने साफ सफाई पर ध्यान देने को कहा उन्होंने बताया कि दिखने वाले दुश्मन को मारना आसान है परंतु ना दिखने वाले दुश्मन को मारना व पहचानना बहुत मुश्किल है ।इससे बचने के लिए हमें हमेशा मास्क का इस्तेमाल व सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना चाहिए। इस अवसर पर स्थानीय ग्राम पंचायत के उपप्रधान चेतराम, अनिल कुमार कृष्णा सहकारी सभा के सचिव सुभाष कुमार व प्रबंधक समिति के सदस्य गणों सहित लगभग 80 लोगों ने भाग लिया।
विकासखंड भटियात की ग्राम पंचायत जियुंता के प्रांगण में जन सभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में भटियात विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रम सिंह जरियाल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक विक्रम सिंह जरियाल ने अपने अभिभाषण में प्रदेश कि जयराम सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में स्थानीय जनता को अवगत कराया। इस दौरान विधायक ने जनता की समस्याओं का भी समाधान किया। इस मौके पर जिला चंबा के कार्यकारिणी जिलाध्यक्ष डी एस ठाकुर खासतौर पर मौजूद रहे। इस मोके पर उदयपुर वार्ड से जिला परिषद वानिका चोबियाल, ग्राम पंचायत जियुंता की नवनिर्वाचित प्रधान सपना देवी जी, उपप्रधान मोहन लाल, डलहौजी नगर परिषद के उपाध्यक्ष संजीव पठानिया ,भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र शर्मा, जिला भाजपा सचिव अशोक बकारिया, ग्राम पंचायत बनीखेत के प्रधान अरुण राणा ,ग्राम पंचायत ओसल के पूर्व प्रधान सतीश टंडन और विभिन्न पंचायतों से आए जनप्रतिनिधि सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत धुन्दन की प्रधान शंकुतला शर्मा,उपप्रधान मदन शर्मा व बीडीसी के उपाध्यक्ष मनोहर लाल ठाकुर ने पंचायत धुन्दन की समस्याओं को लेकर जल शक्ति विभाग अर्की व पीडब्ल्यूडी विभाग अर्की के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर उनको समस्याओं बारे अवगत करवाया। पंचायत प्रधान शकुंतला शर्मा ने बताया कि जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अर्की क़ो गम्भर खड्ड क़ी स्कीम से धुन्दन पंचायत क़ो पानी देने,चमाकड्डी क़ी लिफ़्ट चलाने,पुरानी पाइप्स को बदलने व धुन्दन पंचायत को सुचारु रूप से पानी की सप्लाई देने के लिए एक रेजुलेशन सोंपा गया। इसके पश्चात् पीडब्ल्यूडी अर्की के अधिशासी अभियंता क़ो धुन्दन बाज़ार में सड़क क़ी चौड़ाईं बढ़ाने, टुइरु,घरतूरि,स्यारि,पस्सल जेरी, चमाकड्डी लिंक को पक्का करने व धुन्दन बाईपास बनाने के बारे रेजुलेशन दिया गया।इस दौरान जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अर्की व पीडब्ल्यूडी अर्की के अधिशासी अभियंता ने तुरन्त उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर धुन्दन की प्रधान शंकुतला शर्मा,उपप्रधान मदन शर्मा व बीडीसी के उपाध्यक्ष मनोहर लाल ठाकुर मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत ग्याना में माइनिंग एरिया के पाँच पंचायतों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यतिथि दाड़ला वार्ड से जिला परिषद सदस्य हीरा कौशल व विशेष अतिथि बीडीसी सदस्य गोपाल मौजूद रह। बैठक में 2010 में गठित रेगुलेटरी अथारिटी के सात के संशोधन बारे डीसी सोलन से 15 फरवरी 2021 को सभी सहकारी सभाओं को आदेश हुए की 4 सप्ताह में इसकी विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाए उस पर चर्चा की गई।इस बैठक में अम्बुजा से प्रभावित लोगों ने अपनी अपनी समस्या के बारे में भी अवगत करवाया। इसके अलावा अन्य कई मुद्दों पर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई व लोगों को आश्वासन दिलाया गया कि लोगों के हितों के लिए सभी एकजुट है। बैठक में जगतराम, बलदेव, कर्मचंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल ने जिला के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं कर्मियों से आग्रह किया है कि वे 25 फरवरी को कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण के तहत प्रथम डोज के रूप में टीका लगवा लें। डाॅ. उप्पल ने कहा कि 25 फरवरी, 2021 के उपरान्त टीकाकरण के लिए पंजीकृत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं कर्मियों को प्रथम डोज नहीं दी जाएगी। उन्हांेने कहा कि इस श्रेणी के सभी कर्मी 25 फरवरी को अपना टीकाकरण सुनिश्चित करें। यह टीकाकरण कोविड-19 टीकाकरण के लिए निर्धारित केन्द्रों पर किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि इसके अतिरिक्त अन्य फ्रन्ट लाईन वर्करों को कोविड-19 टीकाकरण के तहत प्रथम डोज का टीका 06 मार्च 2021 तक लगाया जाएगा।
वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न गंभीर रोगों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर रोगियों को महत्वकांक्षी सहारा योजना के तहत प्रतिमाह 3000 रुपए की सहायता राशि उपलब्ध करवाई जा रही है। यह जानकारी सूचना एवं जनसम्पर्क से सम्बद्ध सप्तक कलामंच के कलाकारों ने आज नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत डोली तथा छियाछी में प्रदान की। कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह को बताया कि सहारा योजना के तहत पार्किन्सन, कैंसर, मस्कुलर डिस्ट्राॅफी, अधरंग, किडनी फेलियर तथा तपेदिक जैसे गंभीर रोगों से पीड़ित व्यक्तियांे को सहायता प्रदान की जाती है। राज्य सरकार द्वारा अब तक सहारा योजना के तहत 11057 लाभार्थियों को सहायता राशि के रूप में 11.94 करोड़ रुपए प्रदान किए गए हैं। कलाकारों ने लोगों से आग्रह किया कि योजना के लाभ के लिए जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अथवा अपने खण्ड चिकित्सा अधिकारी से सम्पर्क करें। इस अवसर पर ग्राम वासियों को मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कलाकारों ने बताया कि योजना के तहत व्यक्तिगत सोलर बाड़बंदी के लिए 80 प्रतिशत तथा किसान समूह आधारित बाड़बंदी के लिए 85 प्रतिशत उपदान प्रदान किया जा रहा है। योजना में कांटेदार व चेन लिंक बाड़बंदी भी सम्मिलत की गई है। इन पर 50 प्रतिशत उपदान उपलब्ध है। कम्पोजिट बाड़बंदी पर 70 प्रतिशत उपदान प्रदान किया जा रहा है। लोगों को प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। पर्वतीय कलामंच दाड़वा के कलाकारों ने कुनिहार विकास खण्ड की ग्राम पंचायत संघोई तथा सेवड़ा चण्डी तथा पूजा कलामंच, सरयांज, बाड़ीधार के कलाकारों ने कुनिहार विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सारमा में लोगों को कल्याणकारी नीतियों की जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने सामाजिक सुरक्षा पैंशन, हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा हिमकेयर योजना की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत डोली की प्रधान सीता देवी, पंचायत सचिव महेंद्र कुमार, उप प्रधान रामलाल, वार्ड सदस्य सुखेदव, सुनीता, सोनिया, सिलाई अध्यापिका सुनीता, ग्राम पंचायत छियाछी की प्रधान कांता देवी, उप प्रधान परम जीत, वार्ड सदस्य राम लाल, सुभद्रा, कांता देवी, ग्राम पंचायत सारमा की प्रधान रीना शर्मा, उप प्रधान ललित, वार्ड सदस्य भागवन्ती, सुनीता, र्मिला, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा, ग्राम पंचायत संघोई के प्रधान जगत राम, उप प्रधान टेक राम, वार्ड सदस्य हीरा लाल, सीमा, उर्मिला, महेश, ग्राम पंचायत सेवड़ा चण्डी के प्रधान नेक राम, उप प्रधान तुलसी राम, वार्ड सदस्य विनोद, दया राम, पंचायत सचिव धनपत तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला मण्डी में लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सा महाविद्यालय नेरचैक को 7 करोड़ रुपये की लागत की 128 स्लाईस सिटी स्कैन और 1.20 करोड़ रुपये की लागत की सीलिंग माउटिड एक्स-रे मशीन समर्पित की। इस अवसर पर विद्यार्थिओं और कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिटी स्कैन मशीन, पूरे क्षेत्र में सबसे आधुनिक मशीन है। उन्होंने कहा कि यह मशीन प्रदेश के मण्डी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, बिलासपुर, हमीरपुर और चम्बा जिलों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में अह्म भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चिकित्सा महाविद्यालय ने कोविड-19 महामारी के दौरान सराहनीय सेवाएं प्रदान की है। यह महाविद्यालय लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवा सुविधाएं प्रदान करने में भी इस क्षेत्र का उत्कृष्ठ महाविद्यालय बन कर उभरा है। प्रदेश और केन्द्र सरकार के सहयोग से केंसर देखभाल केन्द्र स्थापित करने के लिए 45 करोड़ रुपये की परियोजना प्रदान करने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर केंसर देखभाल सुविधाएं सुनिश्चित होगी। जय राम ठाकुर ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सा संस्थान में 6.10 करोड़ रुपये की लागत से कोविड-19 मेक शिफ्ट अस्पताल स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि महामारी समाप्त होने उपरान्त सरकार ने इस मेक शिफ्ट अस्पताल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय के दंत चिकित्सा विभाग को 94 लाख रुपये की लागत की टीएमटी, ईएचसीओ, ब्रोन्कोस्कोप चिकित्सा उपकरण और 37 लाख रुपये की लागत की सीबीसीटी तथा एक्स-रे मशीन समर्पित की।
प्रदेश सरकार ने जन-जन समस्या के उनके घरद्वार पर समाधान के लिए जहां जनमंच आरम्भ किया है वहीं लोग मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 के माध्यम से अपनी समस्या को सीधे उच्चतम स्तर तक पहुंचा सकते हैं। यह जानकारी आज सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रदान की गई। प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों व कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत हिम सांस्कृतिक दल के कलाकरों द्वारा सोलन विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सेर बनेड़ा तथा मशीवर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अक्षिता कलामंच के कलाकारों ने अभियान के तहत कण्डाघाट विकास खण्ड की ग्राम पंचायत वाकना में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जन हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। शिव शक्ति कलामंच कुनिहार के कलाकारों ने धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत जंगेशू तथा कसौली गढ़खल में लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने लोगों से आग्रह किया कि अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले जनमंच में बढ़चढ़ कर भाग लें ताकि विभिन्न समस्याओं का त्वरित निपटारा सम्भव हो। लोगों को बताया गया कि प्रदेश में अब तक आयोजित जनमंच में 50 हजार से अधिक शिकायते एवं मांग पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें से 92 प्रतिशत से अधिक का निपटारा किया जा चुका है। लोगों को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।लोगों को बताया गया कि मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन के तहत किस प्रकार शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। इस हेल्पलाइन पर लगभग 01 लाख 50 हजार शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें से 95 हजार का समाधान कर दिया गया है। कलाकारों ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को कोविड-19 महामारी से बचाव तथा नशा निवारण के सम्बन्ध में भी जागरूक किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सेर बनेड़ा की प्रधान हेमंत कुमारी, उप प्रधान रविकांत, पंचायत सचिव रजनीश, वार्ड सदस्य शांति देवी, कमल, नितिन, हरदीप, ग्राम पंचायत मशीवर के प्रधान नरेंद्र ठाकुर, उप प्रधान नरेश, ग्राम सुधार समिति अध्यक्ष अनिल शर्मा, सचिव कुलदीप ठाकुर, कमलेश ठाकुर, सुमन ठाकुर, कौशल्य देवी, कृष्णा देवी, नरेंद्र कुमार, पंचायत सचिव सत्या देवी, ग्राम पंचायत वाकना के प्रधान हरजेंद्र कुमार, उप प्रधान लीला दत्त, पंचायत सचिव मीरा शर्मा, वार्ड सदस्य नरेश, दलजीत, दिव्या, कमला, पूजा, धर्मेंद्र, अंजली, ग्राम पंचायत जंगेशु की प्रधान व्यासा देवी, उप प्रधान राजेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत कसौली गढ़खल के प्रधान राम सिंह, उप प्रधान श्यामलाल, पंचायत सचिव पवन, वार्ड सदस्य अमीता, तनुज, बिंता देवी, तमन्ना, पूजा तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
आयुष विभाग द्वारा आज सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत प्राथा, जगजीतनगर, गोयला तथा टकसाल में लोगों को एनीमिया के बारे में जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित किए गए। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि इन ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में 391 रोगियों की एनीमिया जांच की गई। ग्राम पंचायत प्राथा में 107, ग्राम पंचायत जगजीतनगर में 76, ग्राम पंचायत गोयला में 110 तथा ग्राम पंचायत टकसाल में 98 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर बहुत कम पाया गया, उन्हें पूरी जांच के लिए परामर्श दिया गया। डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि शिविर में लोगों को अवगत करवाया गया कि शरीर में रक्त की कमी के कारण एनीमिया होता है। इस रोग में शरीर की रक्त कोशिकाओं का स्तर सामान्य से कम हो जाता है। महिलाओं में एनीमिया की शिकायत अधिक पाई जाती है। लोगों को विशेषकर महिलाओं को एनीमिया के कारण और इससे बचाव के लिए विषय में पूर्ण जानकारी प्रदान की गई। सभी को संतुलित एवं आयरयुक्त आहार लेने के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि 25 फरवरी को ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ के पंचायत घर, ग्राम पंचायत जंगेशु के पंचायत घर मसूलखाना, ग्राम पंचायत सूरजपुर के आंगनबाड़ी केन्द्र सूरजपुर, ग्राम पंचायत हुड़ंग के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र कण्डा, ग्राम पंचायत गांगुड़ी के आंगनबाड़ी केन्द्र उपरली गांगुड़ी तथा ग्राम पंचायत घड़सी के माता मंदिर घड़सी में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। 26 फरवरी को ग्राम पंचायत नारायणी के पंचायत घर, ग्राम पंचायत नाहरी के पंचायत घर, ग्राम पंचायत कालूझिंडा के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र कालूझिंडा में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। आज आयोजित शिविरों में आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ. मंजेश शर्मा, डाॅ. प्रियंका सूद, डाॅ. साक्षी, डाॅ. प्रियंका, आयुर्वेद विभाग के कर्मचारी वर्धा, बबली देवी, मधु कुमारी, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
सोलन जिला में जेबीटी अध्यापकों के 47 पदों के लिए बैच आधार पर भर्ती की काउन्सिलिंग के लिए 05 तथा 06 मार्च, 2021 की तिथि निर्धारित की गई है। यह जानकारी उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा रोशन जसवाल ने दी। रोशन जसवाल ने कहा कि पूर्व में काउन्सिलिंग के लिए निर्धारित तिथियां न्यायालय के आदेशानुसार रद्द कर दी गई थीं। उन्होंने कहा कि 05 तथा 06 मार्च, 2021 को यह काउन्सिलिंग प्रातः 10.30 बजे से डाईट सोलन में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपरोक्त पदों के लिए भर्ती अनुबन्ध आधार पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न रोजगार कार्यालयों से पात्र उम्मीदवारों की सूची प्राप्त हो चुकी है। पात्र अभ्यर्थियों को काउन्सिलिंग के लिए बुलावा पत्र प्रेषित किए जा रहे हैं। काउन्सिलिंग में प्रदेश के किसी भी जिला के उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि 15 फरवरी तथा 16 फरवरी, 2021 को काउन्सिलिंग में भाग ले चुके उम्मीदवारों को पुनः काउन्सिलिंग में आने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि इन पदों पर काउन्सिलिंग के लिए सामान्य श्रेणी के लिए वर्ष 2011 के उत्तीर्ण विद्यार्थी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा स्वतन्त्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए वर्ष 2013 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बुलाया गया है। उपनिदेशक ने कहा कि उक्त भर्ती के लिए सामान्य श्रेणी के 19 पद, अनुसूचित जाति श्रेणी के 11 पद, अनुसूचित जनजाति श्रेणी का 01 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के 09 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 06 पद तथा स्वतन्त्रता सेनानियों के आश्रितों का 01 पद है। रोशन जसवाल ने कहा कि पात्र अभ्यर्थियों को अपने साथ दसवीं व जमा दो या इसके समकक्ष योग्यता प्रमाण पत्र, जेबीटी का प्रमाण पत्र, शिक्षक योग्यता परीक्षा प्रमाण पत्र, हिमाचली प्रमाण पत्र जो अधिकृत सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया हो, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रमाण पत्र जो प्रदेश सरकार द्वारा अधिकृत सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया हो, नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र जो कि प्रदेश सरकार द्वारा अधिकृत सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया हो साथ लाना होगा। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। .0.
कोविड-19 से सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यान्वित किए जा रहे टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत गत दिवस सोलन जिला के 06 स्थानों पर टीकाकरण किया गया। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल ने आज यहां दी। डाॅ. राजन उप्पल ने कहा कि गत दिवस 87 लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिए टीका लगाया गया। सोलन में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुठाड़ में 08, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 17, टीबीएस धर्मपुर में 26, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ एमएएच में 21, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ एचसीडब्ल्यू में 07 तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कण्डाघाट में 08 लोगों का कोविड-19 टीकाकरण किया गया। डाॅ. राजन उप्पल ने कहा कि सभी लाभार्थियों को टीके के सम्बन्ध में पूर्व में मोबाईल पर सूचना प्रेषित की गई थी। उन्होंने कहा कि 28 दिन के उपरांत दूसरा टीकाकरण होगा। उन्होंने कहा कि आम जन की सुरक्षा एवं टीकाकरण की व्यापकता के दृष्टिगत सभी को इस दिशा में न केवल अफवाहों से बचना होगा अपितु कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए कोई ढिलाई भी नहीं बरतनी होगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक कवर करते हुए मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और बार-बार अपने हाथ साबुन से धोएं या एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से साफ करें।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 28 फरवरी, 2021 को कैंसर रोग के निदान एवं परीक्षण के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. एन.के. गुप्ता ने दी। डाॅ. गुप्ता ने कहा कि इस शिविर का आयोजन क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की केंसर केयर यूनिट की ओपीडी के कमरा नम्बर 222 में किया जाएगा। शिविर के लिए पहले से पंजीकरण करवाना आवश्यक है। शिविर में देश के प्रख्यात कैंसर रोग विशेषज्ञ डाॅ. दिनेश पेंडारकर उपस्थित रहेंगे। डाॅ. गुप्ता ने कैंसर के रोगियों से आग्रह किया है कि पंजीकरण करवाकर 28 फरवरी को आयोजित होने वाले इस शिविर का लाभ उठाएं।
शहरी विकास, नगर नियोजन, आवास, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित करने तथा उनकी जनसंख्या के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने राज्य में 03 नए नगर निगम बनाए हैं। सुरेश भारद्वाज आज यहां नगर निगम सोलन, शहरी विकास, नगर नियोजन तथा सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सोलन हिमाचल का तीव्रतम गति से विकसित होता शहर है और प्रदेश सरकार सोलन के सुनियोजित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सोलन शहर की विकास सम्बन्धी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ही सोलन को मुख्य रूप से नगर निगम बनाया गया है। सोलन के नगर निगम बनने से न केवल सोलन शहर अपितु शहर के साथ लगते विभिन्न गांवों को भी व्यापक स्तर पर लाभ होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने से जहां एक ओर योजनाबद्ध विकास से जन-जन लाभान्वित होगा वहीं नगर निगम सोलन को केन्द्र सरकार की शहरी विकास की अनेक योजनाओं का लाभ मिलेगा। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नगर निगम सोलन की परिधि में स्वच्छता और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए 02 करोड़ 80 लाख रुपए प्रदान किए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विकास गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम सोलन सहित नगर निगम मण्डी तथा नगर निगम पालमपुर के लिए 01-01 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। उन्होंने अधिकारीयों को निर्देश दिए कि इस धनराशि का समयबद्ध तरीके से उचित उपयोग सुनिश्चित बनाया जाए। शहरी विकास मंत्री ने नगर निगम सोलन की परिधि में समायोजित किए गए विभिन्न क्षेत्रों के निवासियों को विश्वास दिलाया कि नगर निगम सोलन उन सभी के लिए न केवल विकास की दिशा में अपितु स्वच्छता एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में भी लाभदायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों में सुनिश्चित रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री आजीविका गारंटी योजना कार्यान्वित कर रही है। योजना के तहत पंजीकरण करने के उपरान्त 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। ऐसा न होने की स्थिति में पंजीकृत युवा को प्रतिदिन 75 रुपए की दर से बेरोजगार भत्ता प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उन सभी को आवास उपलब्ध करवाने का प्रावधान है जिन्होंने इसके लिए आवेदन किया हो। शहरी क्षेत्रों में योजनाओं के तहत आवास निर्माण के लिए सहायता राशि के रूप में एक लाख 85 हजार रुपए उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपए अतिरिक्त प्रदान किए जा रहे हैं।विधि मंत्री ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन के लाभ के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं को समय पर पूरा करें। उन्होंने इस अवसर पर सोलन जिला में कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रशांत सरकैक ने अवगत करवाया कि सोलन शहर में पेयजल तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने इस सम्बन्ध में कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर विधानसभा चुनाव में सोलन से भाजपा उम्मीदवार रहे डाॅ. राजेश कश्यप, नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष मीरा आनंद, भाजपा प्रवक्ता नरेश गांधी, नगर निगम आयुक्त प्रशांत सरकैक, नगर एवं ग्राम योजनाकार लीला श्याम, सहकारिता विभाग के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
राम मंदिर निर्माण के लिए चले समर्पण निधि अभियान कार्यक्रम के तहत अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर के निर्माण के लिए प्रत्येक हिंदू परिवार दिल खोलकर दान कर रहा है। बड़े तो इस पुण्य कार्य में अपना योगदान दे ही रहें है, साथ ही दाड़लाघाट पंचायत के अंतर्गत एक छोटी बेटी कृति महाजन ने भी इस कार्य में अपना योगदान दिया। कृति महाजन ने अपनी गुलक में आज तक की जमा राशि प्रभु श्री राम के प्रति अपनी श्रद्धा भाव दिखाते हुए श्री राम मन्दिर निर्माण के लिए समर्पण निधि के रूप में भेंट की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद धर्मपुर इकाई की वर्ष 2020-21 की नव कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें निखिल को इकाई अध्यक्ष एवं प्रियंका को इकाई सचिव बनाया गया। आरुषि एवं कोमल को उपाध्यक्ष, शिवानी को सह सचिव, उर्मिला को इकाई सोशल मीडिया संयोजक एवं मुनीश को इकाई सोशल मीडिया सह संयोजक, साक्षी को इकाई एस.एफ.एस संयोजक एवं ज्योति को इकाई एस.एफ.एस सह संयोजक, भावना को इकाई एस.एफ.डी संयोजक, प्रतिभा को राष्ट्रीय कला मंच संयोजक एवं श्वेता को राष्ट्रीय कला मंच सह संयोजक के दायित्वों से निर्वाहीत किया गया। धर्मपुर इकाई की कार्यकारिणी गठन समारोह में जिला संगठन मंत्री दूनी चौहान, चुनाव अधिकारी पवन एवं जिला सोशल मीडिया संयोजक अभिषेक विशेष रूप से उपस्थित रहे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्ष 1949 से छात्र व राष्ट्रीय हित में कार्य करती आई है, व छात्रों में राष्ट्रीय पुननिर्माण की भावना प्रवाहित करती है।
अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन ने बुधवार को दाड़लाघाट में कंप्यूटराइज्ड होजरी मशीन दाड़लाघाट क्लस्टर की महिलाओं को प्रदान कर एक होजरी प्रोडक्शन सेंटर का उद्धघाटन किया। अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के हेड संजय शर्मा द्वारा प्रोडक्शन सेंटर का उद्धघाटन किया गया। इस होजरी प्रोडक्शन सेंटर में दो क्लस्टर की 45 महिलाएं कार्य कर रही है, जिसमें की एक मशीन पिछले साल चंडी क्लस्टर को दी गई थी।उद्घाटन के दौरान संजय शर्मा ने महिलाओं को इस कार्य को करने की शुभकामनाएं दी। इस उपलक्ष्य में अम्बुजा सीमेंट उद्योग के यूनिट प्रमुख मनोज जिंदल ने कहा कि अम्बुजा सीमेंट इस क्षेत्र की महिलाओं की सशक्तीकरण के लिए हर सम्भव प्रयास हमेशा से करता आया है व यह आगे भी जारी रहेगा। इस उपलक्ष्य पर अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबंधक भूपेंद्र गांधी ने कहा की अम्बुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट को लुधियाना की तरह होजरी का हब बनाना चाहता है, इसलिए इस तरह के प्रयास महिलाओं के सहयोग से किये जा रहे है। इस कार्यक्रम में दाड़लाघाट व चंडी क्लस्टर की प्रधान मीरा देवी, बिमला वर्मा, मीना देवी, गीता ठाकुर, संतोष, मीना देवी, सरिता, सोमा देवी, वीना शर्मा, शहनाज, किरण, कमलेश, अनीता ने अपनी भागीदारी सुनिचित की।
भठा मसौली में आज स्वर्गीय देवी रूप सिंह मेमोरियल ट्रॉफी का आयोजन किया गया। जिस का उदघाटन नगर परिषद जोगिन्दर नगर के उपाध्यक्ष व व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय धरवाल के द्वारा किया गया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि युवा नशे की आदतों में फसते जा रहे हैं। हम सभी की नैतिक जिम्मेवारी बनती है कि हम युवाओं को नशे की गर्त में जाने से बचाएं ओर अपने आस पास समाज को इस कुरीति के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल ही एक ऐसा माध्यम है जिसके जरिये युवाओं को नशे से दूर रख सकते है। हम समाज को नशा मुक्त बनाने में सभी योगदान दें, तभी हमारा देश शशक्त ओर सुदृढ़ होगा। इस ट्रॉफी को जीतने वाले को 11000 व दूसरे स्थान पर रहने वाले को 7100 रुपये दिए जाएंगे।
बॉलीवुड के बाद कंगना अब कैफे व रेस्तरां व्यवसाय में कदम रखने जा रही हैं। बॉलीवुड में किस्मत चमकाने के बाद कैफे व रेस्तरां व्यवसाय में कदम रखने जा रही कंगना दो दिन पहले मनाली स्थित अपने घर आई थीं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मनाली स्थित घर के पास बॉलीवुड की स्टार कलाकर कंगना ने 33 बिस्वा जमीन खरीद ली है। पूर्व प्रधानमंत्री का मनाली से बहुत लगाव था व उनके आवास से कुछ दूरी पर ही अब कंगना नया व्यवसाय शुरू करने जा रही हैं। जमीन खरीदने के बाद अब कंगना ने कैफे व रेस्तरां बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। कंगना आज मध्य प्रदेश में धाकड़ फ़िल्म की शूटिंग के लिए रवाना हो गई है।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत शिक्षा खंड हरदासपुरा के राजकीय प्राथमिक पाठशाला गजनुई में एसमसी के लिए एक दिन की कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें गजनुई क्लस्टर के अधीन आने वाली 6 के सदस्यों में भाग लिया। इस कार्यशाला में अशोक शर्मा Rtd BEEO, हेम सिंह और नरेश कुमार ने स्त्रोत व्यक्ति के रूप मे कार्य किया। इस कार्यशाला में सबसे पहले कोविड-19 के दौरान बच्चों की सुरक्षा किस प्रकार की जाए उसकी जानकारी दी गई। सरकार द्वारा जारी की गई एसओपी उनके साथ सांझा की गई। इस दौरान सभी लोगों से कोरोना से खुद को और दूसरों को बचाने की शपथ दलाई गई। इस कार्यशाला में हर घर पाठशाला कार्यक्रम की जानकारी दी गई। उन्हें व्हाट्सएप्प क्विज के बारे में जानकारी प्रदान की गई। उन्हें इसके साथ बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ, स्वच्छ भारत मिशन, लर्निंग आउटकम, नई शिक्षा नीति 2021 के बारे में जानकारी दी गई। इस कार्यशाला में हंस राज, ओम प्रकाश, पुनीत गौतम, रविंदर कुमार, चमन सिंह, आदि सदस्यों ने भाग लिया। ये जानकारी बीआरसीसी पुनीत निराला ने दी।
जिला कुल्लू के आनी में सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा अनुमोदित गीत संगीत कला मंच बंजार के कलाकारों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग हिमाचल प्रदेश के सहयोग से कलाकारों ने गीत संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को क्षय रोग के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने नाटक में दर्शाया कि क्षय रोग से कैसे बचा जा सकता है। उन्होंने अपने अभिनय से बताया अगर दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी बुखार वज़न कम होना खासी के साथ खून आना आदि क्षय रोग के लक्षण होते हैं। उन्होंने ने बताया कि टी.बी. साधारण टी. बी.एम डी आर टी .बी. होती है और इसकी जानकारी हेतु टी बी मुक्त हिमाचल गूगल ऐप्प डाउनलोड करने और टोल फ्री हेल्पलाइन 104 और 1800116666 पर सम्पर्क करने के बारे में भी बताया। स्वास्थ्य विभाग से स्वास्थ्य शिक्षक मोहर सिंह ने लोगों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा करने वाले लोगों को टी बी जैसे रोग जल्दी घेर लेते उन्होंने बताया कि टी बी का इलाज संभव है। इससे आसानी से बचा जा सकता है, लेकिन सावधानियां बरतनी बेहद आवश्यक है। इसके लक्षण दिखते ही पास के अस्पताल में जाएं और चिकित्सक की सलाह से इलाज करवाएं। मंच के कलाकार राकेश शर्मा और प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि वे गीत संगीत और नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का भरपूर प्रयास कर रहें हैं। उन्होंने बताया कि आनी के बाद वे निरमण्ड में इस तरह का कार्यक्रम करेंगे। इस कार्यक्रम में रमेश कुमार, राकेश शर्मा, देव माइकल, दवेंद्र शर्मा, बी एस राणा, रजनी, बीबाब, गुड्डू, कांता, सन्नी आदि कलाकारों ने भाग लिया।
जिला मंडी के सरकाघाट के तहत आने वाली रोपड़ी पंचायत में नौणू स्थित राशन डिपो से राशन ले जा रहे ग्रामीणों की जीप दुर्घटनाग्रस्त होने से इसमें सवार 12 लोग घायल हो गए हैं। इनमें दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए, जिन्हें नाजुक हालत होने के चलते तत्काल मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया गया। इसके अलावा बाकी सभी घायलों को नागरिक अस्पताल सरकाघाट में उपचार दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रोपड़ी गांव के 12 लोग सहकारी समिति के राशन डिपो से राशन लाने को गए थे, लेकिन वापसी पर राशन ले जाते समय जीप का चालक ने नियंत्रण खो दिया और जीप करीब 100 फुट नीचे गहरी खाई में गिर गई। जीप गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को उठाया और 108 में सरकाघाट नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पर दो घायलों सुमन देवी और बलवंत सिंह को तत्काल मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया है। जहां नेरचौक अस्पताल में उपचाराधीन बलवंत सिंह ने दम तोड़ दिया। इस बात की पुष्टि एसएमओ डॉ पीएल वर्मा ने की है। उन्होंने कहा कि घायलों को तुंरत उपचार दिया गया है। दो गंभीर रूप से जख्मी लोगों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है। हादसे की पुस्टि डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने की है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


















































