आयुष विभाग द्वारा किशोरियों, गर्भधात्री महिलाओं को रक्तालपता के विषय में जागरूक बनाने तथा इस बीमारी की रोकथाम के दृष्टिगत सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता के तृतीय चरण के तहत 22 फरवरी से 06 मार्च, 2021 तकएनीमिया जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने आज यहां दी। डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि जागरूकता शिविरों को सफल बनाने के लिए आयुष विभाग द्वारा समुचित प्रबन्ध किए गए हैं। एनीमिया के विषय में लक्षित समूहों को जागरूक करने के लिए आयुष विभाग सोलन द्वारा 04 टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें विकास खण्ड धर्मपुर की अलग-अलग ग्राम पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जागरूकता शिविर आयोजित करेंगी। प्रत्येक टीम में आयुर्वेदिक चिकित्सक एवं फार्मासिस्ट की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में रोगियों की निःशुल्क रक्त जांच की जाएगी तथा उन्हें एनीमिया से सम्बन्धित दवाएं भी निःशुल्क वितरित की जाएंगी। डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि 22 फरवरी को पंचायत घर जाडला, ग्राम पंचायत नालका के तहत आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र घरेड, ग्राम पंचायत चामियां के तहत चामियां, ग्राम पंचायत बनासर के तहत आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र बनासर तथा ग्राम पंचायत ढकरियाणा में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। 23 फरवरी को ग्राम पंचायत रौड़ी के तहत रौड़ी, ग्राम पंचायत मंधाला के तहत आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र मंधाला, ग्राम पंचायत कोट के पंचायत घर, ग्राम पंचायत चम्मो के पंचायत घर तथा ग्राम पंचायत गोयला के तहत आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र ठकराना में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 24 फरवरी को ग्राम पंचायत प्राथा के पंचायत घर, ग्राम पंचायत टकसाल के पंचायत घर, ग्राम पंचायत जगजीतनगर के पंचायत घर, ग्राम पंचायत घड़सी के तहत माता मंदिर गोयला में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। 25 फरवरी को ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ के पंचायत घर, ग्राम पंचायत जंगेशु के पंचायत घर मसूलखाना, ग्राम पंचायत सूरजपुर के आंगनबाड़ी केन्द्र सूरजपुर, ग्राम पंचायत हुड़ंग के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र कण्डा, ग्राम पंचायत गांगुड़ी के आंगनबाड़ी केन्द्र उपरली गांगुड़ी तथा ग्राम पंचायत घड़सी के माता मंदिर घड़सी में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। 26 फरवरी को ग्राम पंचायत नारायणी के पंचायत घर, ग्राम पंचायत नाहरी के पंचायत घर, ग्राम पंचायत कालूझिंडा के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र कालूझिंडा में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने कहा कि प्रथम मार्च, 2021 को ग्राम पंचायत चण्डी के बेड चण्डी, ग्राम पंचायत बरोटीवाला के पंचायत घर तथा ग्राम पंचायत जाबली के पंचायत घर में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। 03 मार्च को ग्राम पंचायत कसौली गढ़खल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सनावर, ग्राम पंचायत गनोल के पंचायत घर, ग्राम पंचायत पट्टानाली के पंचायत घर परोल, ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के पंचायत घर, ग्राम पंचायत बुघारकनैता के सामुदायिक केन्द्र बघार घाट तथा ग्राम पंचायत बरोटीवाला के बुरांवाला शिव मंदिर में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। 04 मार्च को ग्राम पंचायत सनवारा की राजकीय प्राथमिक पाठशाला सनवारा, ग्राम पंचायत आंजी मातला के पंचायत घर मातला, ग्राम पंचायत भावगुड़ी के पंचायत घर, ग्राम पंचायत दाड़वा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनलगी तथा ग्राम पंचायत टकसाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय कामली में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। 05 मार्च 2021 ग्राम पंचायत धर्मपुर के तहत महिला मण्डल धर्मपुर, ग्राम पंचायत कोटबेजा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटबेजा तथा ग्राम पंचायत बाड़ियां के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र जोहड़जी में यह शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 06 मार्च को ग्राम पंचायत बढ़लग के पंचायत घर में एनीमिया से जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किय जाएगा। डाॅ.राजेन्द्र शर्मा ने इन ग्राम पंचायतों के समस्त निवासियों से एनीमिया जागरूकता शिविरों में भाग लेने का आग्रह किया है ताकि कोई भी रोगी एनीमिया से ग्रस्त न रहे और जागरूकता के माध्यम से भावी पीड़ी को इस बीमारी से बचाया जा सके।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अनुराग चंद्र शर्मा ने एच.एफ.सी.एल मार्ग पर चम्बाघाट से पंजाब नैशनल बैंक तक सड़क को बंद करने के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार 21 फरवरी से 24 फरवरी, 2021 तक प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक एच.एफ.सी.एल सड़क पर चम्बाघाट से पंजाब नैशनल बैंक तक सभी प्रकार के भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। एम्बुलेंस तथा अग्निशमन वाहनों पर यह आदेश लागू नहीं होंगे। इस मार्ग को बंद करने का निर्णय सड़क के नवीनीकरण कार्य के दृष्टिगत लिया गया है। यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं। इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक सोलन, उपमण्डलाधिकारी सोलन तथा जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक को सूचना दे दी गई है।
राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के विभिन्न थोक गोदामों तक आवश्यक वस्तुओं के परिवहन व मजदूरी दरें निर्धारित करने के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। यह जानकारी जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति नियंत्रक आदित्य बिन्द्रा ने दी। आदित्य बिन्द्रा ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की दरें निर्धारित करने के लिए निविदाएं 15 मार्च, 2021 प्रातः 11.00 बजे तक आमन्त्रित की गई हैं। निविदाएं इसी दिन दोपहर बाद 2.30 बजे उपायुक्त सोलन के समक्ष खोली जाएंगी। परिवहन व मजूदरी कार्य के लिए निविदा प्रपत्र 500 रुपए की राशि अदा करके जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय सोलन से किसी भी कार्यदिवस पर प्राप्त किया जा सकता है। निविदा प्रपत्र की बिक्री निविदा सूचना जारी होने की तिथि से 12 मार्च 2021 की सांय 4.30 बजे तक ही की जाएगी। फोटोस्टेट किया हुआ निविदा प्रपत्र मान्य नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय की दूरभाष संख्या 01792-224114 से संपर्क किया जा सकता है।
आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् सोलन इकाई द्वारा सोलन महाविद्यालय में आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रधानाचार्या नम्रता टिकू जी को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने मांग की कि B.Voc के 2019-2020 चौथे सत्र के छात्र-छात्राओं की विलम्ब शुल्क माफ कर सिर्फ नियमित शुल्क वसूली जाए। उन्होंने कहा कि परिक्षाएँ शुरू होने वाली है परंतु छात्रवास में बिजली की समस्या है जिसके चलते छात्रों को पढ़ने में समस्या आती है। बरसात के मौसम में बरसात आने पर छात्रवास में सैलाब आता है। साथ ही ग्राउंड की मरमत कार्य जल्द से जल्द किया जाए।इकाई अध्यक्ष राघव ठाकुर ने कहा कि मांगों को पूरा नही किया गया तो इकाई स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा वहीं प्रधानाचर्या नम्रता टिकू ने आश्वासन दिलवाया है कि विद्यार्थी परिषद सोलन इकाई की मांगें जल्द से जल्द पूरी की जाएंगी।
हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगम में चुनावों की तैयारी शुरू, मार्च के पहले सप्ताह में बजेगा चुनावी डंका
हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनाव मार्च के पहले सप्ताह घोषित होंगे। धर्मशाला नगर निगम के चुनाव 9 अप्रैल से पहले कराए जाने हैं। ऐसे में तीन नए नगर निगमों मंडी, पालमपुर और सोलन में भी साथ चुनाव कराने की तैयारी शुरू हो गई है। इन निगमों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 26 फरवरी से पहले होना है। चारों निगमों में चुनाव से पहले मतदाता सूचियों में नाम दर्ज कराने का अंतिम मौका दिया गया है। नए वोटर पचास रुपये शुल्क देकर 26 फरवरी तक नाम दर्ज करा सकेंगे। राज्य चुनाव आयोग ने निशुल्क नाम दर्ज कराने का समय 16 फरवरी तक रखा था। धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगम के चुनाव से पहले राज्य चुनाव आयोग ने मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य चुनाव अधिकारी संजीव महाजन ने बताया कि नगर निगमों के चुनाव घोषित होने से पहले मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन करने की तारीख 26 फरवरी निर्धारित की है। धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगम के चुनाव के लिए डेढ़ सौ इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने इन ईवीएम की व्यवस्था कर ली है। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार इन चारों नगर निगमों के लिए 75 मतदान केंद्र स्थापित होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र में एक-एक ईवीएम लगेगी। इसके अलावा इतनी ही ईवीएम अतिरिक्त रखी जाएंगी।
हिमाचल प्रदेश के आयकरदाताओं को राशन डिपो में 117 रुपये लीटर खाद्य तेल, 39 रुपये किलो चीनी और 15 रुपये किलो नमक मिलेगा। खाद्य आपूर्ति विभाग ने आयकर देने वालों का राशन कोटा संबंधित क्षेत्रों के डिपो में भेज दिया है। जिन आयकरदाताओं के कार्ड बंद किए गए थे, उन कार्डों को भी खोला जा रहा है। आयकर देने वालों को राशन गरीबी रेखा से ऊपर उपभोक्ताओं से महंगा मिलेगा, लेकिन बाजार रेट के हिसाब से यह 10 से 20 रुपये तक सस्ता है। आटा और चावल केंद्र सरकार उपलब्ध कराती है। ऐसे में यह राशन आयकर दाताओं और एपीएल को एक ही रेट पर दिया जाता है। दालें, तेल, चीनी और नमक प्रदेश सरकार खुद उपभोक्ताओं को सब्सिडी पर उपलब्ध कराती है। यह राशन आयकर दाताओं को बंद किया गया था। अब सरकार ने इन उपभोक्ताओं को बिना सब्सिडी बाजार से कम रेट पर राशन देने का फैसला किया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने बताया कि आयकरदाताओं का राशन डिपो में भेज दिया है। यह बाजार मूल्य की अपेक्षा काफी सस्ता है। हिमाचल में पौने तीन लाख के करीब आयकरदाता हैं।
शिक्षा के मंदिरों में आधुनिक सुविधाएं देने के दावे तो सरकार हर रोज करती है, लेकिन कुछ शिक्षण संस्थानों में ज्ञान की लौ जलने के बजाय फड़फड़ा रही है। दूसरों के जीवन में रोशनी करने वाले शिक्षकों व अन्य स्टाफ को बिजली के अभाव में काम करना पड़ रहा है। कुछ ऐसी ही स्थिति राजकीय महाविद्यालय तेलका की है। तेलका क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा मुहैया करवाने के उद्देश्य से खोले गए कॉलेज में असुविधाओं की भरमार है। कॉलेज का उद्घाटन 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ऑनलाइन किया था। राजकीय प्राथमिक पाठशाला सालवां के तीन कमरों के भवन में आर्ट्स (कला) व कॉमर्स (वाणिज्य) संकाय की कक्षाएं बिठाई गई। विडंबना यह है कि यहां आजतक न तो बिजली आई और न ही शौचालय की व्यवस्था हो पाई है। यहां 69 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। इनमें से 13 छात्र हैं, जबकि शेष छात्राएं हैं। कॉलेज में पीने के पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं है। हालांकि, प्राध्यापकों के स्वीकृत सात में से पांच पद भरे गए हैं, लेकिन कॉमर्स के एक प्राध्यापक सहित इतिहास प्राध्यापक के पद खाली हैं। इनकी ऑनलाइन कक्षाएं भलेई कॉलेज के प्राध्यापकों द्वारा ली जाती हैं। तीन वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी महाविद्यालय को अपना भवन न मिलना छात्र-छात्राओं की मुश्किलें बढ़ा रहा है।
चम्बा जिला में पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कस दिया है। नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है। पुलिस ने दो और लोगों को अलग-अलग मामलों में 932 ग्राम समेत गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीरवार को पुलिस चौकी नकरोड़ के पुलिस दल ने शालूईं मे नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान गणेश कुमार (22) पुत्र मोहन लाल निवासी गांव बसुआ थनेईकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा के कब्जे से 628 ग्राम चरस बरामद की।आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना तीसा मे मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर,चम्बा पुलिस के विशेष अन्वेषण दल ने कोटी में नाकाबंदी के दौरान मंगत अली (37)पुत्र अब्दुल कायुम गांव नागली जसौरगढ़ तहसील चुराह जिला चम्बा के कब्जे से 304 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर चम्बा में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एस.पी. अरूल कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को मुकदमा में गिरफ्तार कर लिया गया है व अगामी अन्वेषण जारी है।
जिला चम्बा पुलिस के विशेष अन्वेषण दल गोली के पास नाकाबंदी के लिए मौजूद था। पुलिस दल ने नाकाबंदी के दौरान गाड़ी नंबर एचपी47 4415 मे सवार सुनील कुमार पुत्र रोशन लाल गाँव गुनियाल डाकघर व तहसील डलहौजी जिला चम्बा उम्र 31 वर्ष के कब्जे से कुल 252 ग्राम चरस बरामद की। जिस पर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना डलहौजी मे मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20, 25, 29 के अन्तगर्त मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को मुकदमा में गिरफ्तार कर लिया गया है व अगामी अन्वेषण जारी है ।
शिमला के चौपाल के कुपवी क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले धारचांदना के टिकर' गांव में चेत राम पुत्र देवी राम के घर में आग लग गई। मकान में आग लगने से चार से पांच कमरे जल गये है। यह मकान टिकरी गांव मे एकांत में था। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस मकान मे चेतराम व उसके बेटा ,बहु बच्चे सहित कुल सात लोग रहते थे। आग लगने से परिवार बेघर हो गया है। प्रशासन ने चेतराम के परिवार को 15000 रूपये फौरी राहत दी है। जानकारी के अनुसार इस आगजनी में किसी जानी नुकसान की सूचना नही हैं।
कांगड़ा के 12 वीं कक्षा के छात्र शान फुलझेले ने हिमाचल प्रदेश के सार्वजनिक पुनर्वास केंद्रों की सेवाओं और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को आज धर्मशाला में मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु 1.71 लाख रुपये का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने शान फुलझेले की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह कदम जरूरतमंदों की मदद करने के लिए दूसरों को प्रेरित करने वाला है। शान एडवेंचर स्पोर्ट्स के शौकीन हैं, उन्हें 16 साल की उम्र में इंटरनेशनल पैराग्लाइडिंग लाइसेंस प्राप्त हुआ है और वे स्टेट लेवल वाल क्लाइंबर हैं। उन्होंने ‘ड्रग कल्चर’ को समाप्त कर ‘एडवेंचर स्पोर्ट्स कल्चर’ को बढ़ाने की संकल्पना की है। शान ने यह फंड किटो प्लेटफार्म और 2020 की गर्मियों के दौरान एलइएपीपी कार्यक्रम की अगुवाई कर 7-8 देशों के दानकर्ताओं से अंशदान के रूप में प्राप्त किया है। शान फुलझेले के पिता डीआईजी एवं पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र डरोह के प्रधानाचार्य अतुल फुलझेले भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
सशक्त महिला केंद्र मांगू में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पर्यवेक्षक वृत्त चंडी अजय शांडिल द्वारा की गई। इस शिविर में यूको बैंक मांगू के प्रबंधक धीरज नेगी द्वारा महिलाओं को बैंक द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त बागवानी विभाग के जिला प्रसार अधिकारी संतोष शर्मा द्वारा शिवा योजना की विस्तृत जानकारी उपस्थित महिलाओं को दी। पर्यवेक्षक चंडी द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। इस मौके पर काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान "हिमाचल फ्री फोरम स्टे कैटल्स" के दूसरे चरण में नेशनल हाईवे में खुले में घूम रहे बेसहारा गौवश को आश्रय प्रदान करने के लिए पशु चिकित्सक अधिकारी बुघार डॉ देवराज शर्मा के नेतृत्व में दाड़लाघाट व सन्याडी मोड़ से बेसहारा पशुओं को एकत्रित करके श्री हरे कृष्ण गौ सदन मल्खुमाजरा नालागढ रवाना किया। पशुपालन सहायक संत राम पंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश द्वारा चलाए गए बेसहारा पशु मुक्त हिमाचल कार्यक्रम तहत 2022 तक प्रदेश को बेसहारा पशु मुक्त करने के कार्यक्रम को सम्पूर्ण करने के लिए बेसहारा गौ वंश को पकड़ कर श्री हरे कृष्ण गौ सदन मल्खुमाजरा (भूंड) नालागढ गौ अभ्यारण्य भेजा गया। इस दौरान दाड़लाघाट व सन्याडी मोड़ नेशनल हाईवे से 25 बेसहारा गो वंश को एकत्रित करके श्री हरे कृषण गौ सदन मल्खुमाजरा नालागढ़ जिला सोलन स्थानातरित किया। इस अभियान को सफल बनाने में चिकित्सक अधिकारी बुघार डॉ देवराज शर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी दाड़ला डॉ मानवी चौधरी, पशु पालन सहायक दाड़लाघाट संत राम पंवर, प्रधान दाड़लाघाट बंसी राम भाटिया, उपप्रधान हेमराज, रूप चंद ठाकुर, कृष्ण देव गौतम, अरुण, कुलदीप चंदेल, खेमराज फौजी, राम रत्न चंदेल, श्रीराम, जयदेव, नीरज गर्ग, प्रेम शर्मा, तारा चंद, उमेश,नेमचंद, एडीकेएम, एसडीटीओ परिवहन सभा व स्थानीय लोगों का सहयोग रहा।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने अपने किन्नौर प्रवास के दौरान आज कल्पा के परिधि गृह मेें स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता 103 वर्षीय श्याम सरण नेगी से मुलाकात की। राज्यपाल ने श्री नेगी द्वारा मतदाताओं को समय-समय पर जागरूक करने व मजबूत लोकतंत्र के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने श्री नेगी को सम्मानित किया तथा कहा कि आयु के इस पढ़ाव में भी श्री नेगी एक जागरूक नागरिक के तौर पर सक्रिय रहते हैं, जो अन्यों के लिए प्रेरणा है। नेगी ने इस मौके पर राज्यपाल का किन्नौर आने पर स्वागत किया तथा उनसे चर्चा के दौरान कहा कि वह प्रधानमंत्री के ‘फैन’ हैं और उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार अच्छा कार्य कर रही है। इसके बाद, राज्यपाल ने कल्पा के प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा सेब बागीचों का भ्रमण भी किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को सुना।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने आज रामपुर उपमण्डल के अति दुर्गम पंचायत काशापाट के पंचायत घर पाट में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत विशेष अभियान कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समावेशी समाज में बेटियों के महत्व पर प्रकाश डाला व स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने लिंग अनुपात तथा बेटियों की शिक्षा तथा सामाजिक संतुलन में उनके अभूतपूर्व योगदान की सराहना की तथा आधुनिक युग में समानता एवं शिक्षा के अहम योगदान पर बेटियों की प्रशंसा की। उन्होंने समस्त समाज से अनुरोध किया कि बेटा-बेटी में किसी भी तरह का भेदभाव न करें तथा समाज में बेटियों के उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें ताकि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंच सके। उन्होंने महिलाओं तथा किशोरियों के लिए चलाई जा रही जन कल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की और लोगों से आह्वान किया कि वे कन्या भू्रण हत्या के खिलाफ लोगों को जागरूक करें। उन्होंने इस कार्य के लिए पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने बेटियों को बचाने के लिए जानकारी व जागरूकता लाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से सहयोग की अपील की। उन्होंने पोषण अभियान को व्यापकता प्रदान करने के लिए भी कार्यक्रम के तहत महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने शिविर में उपस्थित महिलाओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत समान लिंगानुपात तथा बेटा-बेटी में भेदभाव न करने की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर उपायुक्त ने नन्ही बालिकाओं माहिरा, सृष्टि, मानवी को जिला प्रशासन की ओर से हस्ताक्षर अभियान तथा बेबी किट व माहिरा का अन्नप्रशान भी करवाया। इस दौरान 0 से 5 वर्ष के 10 बच्चों का वजन एवं लम्बाई भी मापी। इस दौरान उन्होंने काशापाठ में एक बूटा बेटी के नाम भी लगाया। उन्होंने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनी तथा उनके जल्द निवारण के लिए आश्वासन दिया। उपमण्डाधिकारी रामपुर सुरेन्द्र मोहन, डीएसपी रामपुर चन्द्र शेखर, खण्ड विकास अधिकारी रामपुर बी.डी. कपूर, बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय बदरेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चैहान, जिला परिषद सदस्य नरैन त्रिलोक भलूणी, बीडीसी सरोजिनी, प्रधान काशापाट पुष्पा इस अवसर पर उपस्थित रहे।
राज्यपाल आज अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान जनजातीय जिला किन्नौर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। राज्यपाल के तौर पर यह उनका जनजातीय क्षेत्र किन्नौर का पहला दौरा है। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय किन्नौरी संस्कृति से इतने प्रभावित हुए कि स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नृत्य में भाग लेने से अपने आप को नहीं रोक पाए। यह उनका अपना अलग ही अनुभव था, जिसपर उन्होंने कहा, ‘‘यहां आकर लगा कि हिमाचल आना सार्थक हुआ है। यहां की संस्कृति सचमुच बेजोड़ है और लोगों में जो अपनापन है, वह देश के अन्य किसी भी हिस्से में देखने को नहीं मिलता है।’’ इस अवसर पर, लोगों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि किन्नौर की अपनी एक अलग पहचान है। यहां की समृद्ध संस्कृति काफी आकर्षक है, जिसका संरक्षण जरूरी है। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति के बारे में बताया जाना चाहिए ताकि वह इसपर गर्व कर सके। उन्होंने कहा कि देवभूमि की पहचान यहां के पहाड़, वन व नदियां हैं। संस्कृति के साथ-साथ प्रकृति का संरक्षण और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। देवभूमि की सार्थकता इसी में है कि हम स्वच्छता को जीवन में अपनाएं। दत्तात्रेय ने नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विकास का नया दायित्व मिला है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे लोगों की जन आकांक्षाओं पर खतरा उतरे और ग्रामीण स्तर पर विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का नारा दिया है, जो जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के लिए ज्यादा सार्थक है। यहां अधिकांश शिल्पकला, बुनाई व अन्य उत्पाद स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाते हैं, जिन्हें अधिक व्यापक स्तर पर विपणन व प्रचार की आवश्यकता है।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सोलन द्वारा गत दिवस सोलन जिला के धर्मपुर विकास खण्ड के युवा मण्डल नाभों में खण्ड स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। यह जानकारी जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी सुदेश कुमार धीमान ने दी। सुरेश कुमार धीमान ने कहा कि इस युवा उत्सव में धर्मपुर विकास खण्ड के प्रतिभागियों ने लोक गीत, लोक नृत्य, तबला तथा हारमोनियम स्पर्धाओं में भाग लिया। लोक गीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान युवा मण्डल नाभों के प्रतिभागियों तथा द्वितीय स्थान कसौली के प्रतिभागियों ने प्राप्त किया। लोक नृत्य प्रतियोगिता में कसौली प्रथम तथा प्राथा के प्रतिभागी द्वितीय स्थान पर रहे। देसराज का चयन हारमोनियम तथा खेमराज का चयन तबला वादन प्रतियोगिता में किया गया। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव हर वर्ष विभागीय गतिविधियों के अन्तर्गत आयोजित किया जाता है। इसके तहत खण्ड स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताओं में भाग लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत इस वर्ष यह प्रतियोगिता उच्च स्तर पर आयोजित नहीं की जा सकी। उन्होंने कहा कि इस बार युवा उत्सव पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। सोलन खण्ड की प्रतियोगिता 21 फरवरी 2021 को चिल्ड्रन पार्क के खेल हाॅल में आयोजित की जाएगी। खण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी जिला स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे। देश कुमार धीमान ने कहा कि जिला स्तरीय युवा उत्सव 27 व 28 फरवरी, 2021 को सोलन में प्रस्तावित है।
उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत मौड़ा के गुलन गांव में तेंदुए ने चारा खाती हुई बकरी पर हमला कर दिया। बकरी ने मौके पर दम तोड़ दिया। गुलन निवासी मुंशी राम पुत्र प्यार सिंह ने सुबह जब अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए चारागाह में ले गया था। उसके बाद शाम को जब वह अपनी भेड़-बकरियों को घर लाने के लिए गया तभी उसने देखा कि तेंदुए ने बकरी पर हमला कर उसे अपना शिकार बना रहा था। हमले के दौरान दूसरी भेड़-बकरियों में अफरा-तफरी मच गई। ऐसे में मुंशी राम ने जब देखा कि उसकी बकरी को तेंदुए ने अपने मुंह में दबोच लिया है, तो उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। गांव वाले ने आवाज सुनकर वहां पर आ गए और मुंशी राम ने लोगों की मदद से तेंदुए के चंगुल से बकरी को छुड़ा लिया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। शोर शराबा करने के बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला लेकिन लोगों में काफी खौफ पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि तेंदुए के खौफ से उनका घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द उन्हे तेंदुए की समस्या से निजात दिलाई जाए। वन परिक्षेत्र अधिकारी भलेई जोगिंदर कुमार ने बताया कि तेंदुए द्वारा मारी गई बकरी की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा दिया जाएगा।
पर्यटन नगर डलहौजी के वार्ड नंबर दो लोहाली के लिए बनाए गए सड़क मार्ग की चौड़ाई और डंगो के कार्य करवाने हेतु उपायुक्त चंबा डीसी राणा के द्वारा लोक निर्माण विभाग को 15 लाख रूपये की राशी जारी की है। बता दें कि इस गांव के लोगों कि मांग को ध्यान में रखते हुए डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की विधायिका आशा कुमारी ने दिसंबर 2020 में उपायुक्त चंबा डीसी राणा को सड़क की चौड़ाई और डंगो के निर्माण कार्य हेतु बजट जारी करने को कहा था। जिसके बाद अब 15 लाख रूपये की पहली किश्त जारी कर दी गई है। विधायिका आशा कुमारी ने कहा कि जल्द ही इस सड़क मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। ताकि गांव के लोगों को आने वाली समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की हर समस्या के समाधान हेतु तत्परता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि होटल जे.के. क्लार्क से डलहौजी कैंट तक जाने वाले सड़क मार्ग की मरम्मत हेतु भी जल्द ही धनराशि जारी कर दी जाएगी।
सोलन जिला के अर्की उपमण्डल के अन्तर्गत ग्राम पंचायत देवरा के नेहरू युवा मण्डल खालसा पाटी को जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ युवा मण्डल पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। नेहरू युवा केन्द्र सोलन की जिला युवा अधिकारी ईरा प्रभात ने यह जानकारी आज यहां दी। ईरा प्रभात ने कहा कि उपायुक्त सोलन की अध्यक्षता में गठित युवा मण्डल पुरस्कार चयन समिति द्वारा यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि नेहरू युवा मण्डल खालसा पाटी को उत्कृष्ट गतिविधियों के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि युवा मण्डल पुरस्कार के रूप में 25000 रुपए की राशि, प्रशंसा प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के उपरान्त नेहरू युवा मण्डल खालसा पाटी का मामला राज्य स्तर के पुरस्कार के लिए उचित स्तर पर प्रेषित किया गया है।
सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ हर एक व्यक्ति तक पहुंचे इस लक्ष्य को लेकर आज कोटखाई उद्यान विभाग के हॉल में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग महिला एवं बाल विकास शिमला द्वारा एक कार्यशाला का आयोजन किया गया! जिसके द्वारा ग्राम प्रधानों एवं आंगनवाड़ी कर्मचारियों तक सभी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई गई। यह जानकारी एसईबीपीओ मुकेश रुपटा, एसऍमएस कोटखाई उद्यान विभाग धर्मवीर कालटा, वेलफेयर ऑफिसर राकेश चौहान तथा बाल विकास योजना अधिकारी आशीष चौहान के द्वारा दी गई। मुख्य रूप से योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने कहा कि भारत सरकार के द्वारा बहुत ही योजनाएं चलाई जा रही है, जैसे कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, गृह निर्माण योजना विकलांगों के लिए छात्रवृति योजना। अधिकारियों ने कहा कि सभी योजनाओं की जानकारी प्रधान उपप्रधान के माध्यम से हर वर्ग के लोगों तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है।कार्यशाला के अंत में सामाजिक कार्यकर्ता अनु वर्मा प्रदूषण के विषय में लोगों से रूबरू हुई। उन्होंने प्लास्टिक सेग्रीकेशन और उस से होने वाले फायदों पर प्रकाश डाला।
भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने भाजपा कार्यसमिति को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया के सत्र लेते हुए कहा कि सोशल मीडिया आज के समय की सबसे बड़ी मांग है, कोई भी नेता अगर राजनीति करना चाहता है तो उसको सोशल मीडिया पर पूर्ण रूप से सक्रिय होना पड़ेगा। संजय टंडन ने भाजपा कार्यसमिति के सदस्यों को सोशल मीडिया की जानकारी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया सभी के लिए नए रास्ते खोलता है और आने वाले 2022 के चुनावों के लिए सोशल मीडिया का मिशन रिपीट में बहुत महत्वपूर्ण रोल रहने वाला है। उन्होंने कहा कि सभी भाजपा नेता गण अपना फेसबुक, टि्वटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर खाता जल्द खोलेंगे। भाजपा के प्रभारी ने विधायकों, 2017 के प्रत्याशी, मंत्रिमंडल भाजपा प्रदेश पदाधिकारी को उनके सोशल मीडिया के बारे में जागरूक किया व अवगत करवाया और उनको बताया कि उनमें कैसे अच्छे कार्य हो सकते हैं, फॉलोवर कैसे बड़ा सकते है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया के बारे में सभी प्रदेश पदाधिकारियों को विस्तृत रूप से बताया और नमो ऐप का भी उपयोग बताया। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी सोशल मीडिया पर अच्छा कार्य कर रहे हैं उन्होंने कहा कि समय-समय पर सोशल मीडिया की समीक्षा बैठकें प्रदेश में होती रहेगी।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने आज यहां एकीकृत बाल विकास योजना, पोषाहार तथा किशोरी योजना, महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए गठित ज़िला स्तरीय अनुश्रवण एवं समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की। केसी चमन ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य लक्षित समूहों को विभिन्न लाभ प्रदान करना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है। उन्होंने ज़िला कार्यक्रम अधिकारी तथा सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के लाभार्थियों का चयन निर्धारित मापदण्डों के अनुसार किया जाए ताकि लक्षित समूह विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में पोषाहार कार्यक्रम के तहत छः माह से तीन वर्ष तक आयु वर्ग के 18761 बच्चों को कोविड-19 महामारी के कारण घर पर ही पोषाहार उपलब्ध करवाया गया। तीन से छः वर्ष आयुवर्ग में 11543 बच्चों को, 1892 गर्भवती एवं धातृ महिलाओं तथा 12 किशोरियों को इस समयावधि में पोषाहार उपलब्ध करवाया गया। केसी चमन ने कहा कि जिला के सभी समेकित बाल विकास अधिकारी अपने-अपने अधीन स्थापित आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें ताकि इन केंद्रों में पढ़ रहे बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इस वित्त वर्ष में बेटी है अनमोल योजना के प्रथम घटक के अंतर्गत ज़िला के 224 लाभार्थियों को अब तक लगभग 25.88 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई है। योजना के द्वितीय घटक में छात्रवृति योजना के तहत 1338 छात्राओं को लगभग 18.69 लाख रुपये की छात्रवृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत 45 लाभार्थियों को 19 लाख 76 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत 05 लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 2.50 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए। मदर टेरेसा मातृ सम्बल योजना के तहत ज़िला में 682 माताओं तथा 1004 शिशु लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के रूप में 38 लाख 76 हजार 496 रुपये प्रदान किए गए। बैठक में अगवत करवाया गया कि 15 महिलाओं को स्वरोजगार आरम्भ करने के लिए 75 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। सशक्त महिला योजना के अन्तर्गत पंचायत स्तर पर सशक्त महिला केन्द्र गठित किए गए हैं। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक सोलन योगेश दत्त जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र तेगटा, जिला कृषि अधिकारी डाॅ. सीमा कंसल, जिला न्यायवादी एम.के. शर्मा, बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष विजय लाम्बा तथा विभिन्न विकास खण्डों के समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारी उपस्थित थे।
एसएफआई हिमाचल प्रदेश विश्व विद्यालय इकाई ने MP Ed प्रवेश प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर विश्वविद्यालय डीएस को मांग पत्र सौंपा। एसएफआई मांग रखी कि जल्द से जल्द फिजिकल एजुकेशन के अंदर दाखिले को शुरू किया जाए क्योंकि आज से लगभग तीन चार महीने पहले उनके जो ग्राउंड भर्ती होती है वह पूरी हो चुकी थी। लेकिन अभी तक विश्व विद्यालय प्रशासन दाखिले प्रक्रिया को शुरू नहीं कर पाया। इसके साथ रविंद्र चंदेल ने कहा कि जितने भी शोधार्थी एमफिल एलएलएम के अंदर थे और जिनके सबमिशन अभी पूरे नहीं हो पाए हैं, उनको 6 महीने के लिए विश्वविद्यालय हॉस्टल तथा लाइब्रेरी में रहने तथा पढ़ने की अतिरिक्त छूट दी जाए ताकि वह अपने शोध को पूरा कर सके। इसके साथ रविंद्र चंदेल ने बताया कि पिछले दिनों विश्वविद्यालय के द्वारा तमाम विभागों से PHD कोर्सेज के लिए आवेदन मांगे थे। लेकिन अभी तक विश्वविद्यालय के द्वारा एमबीए आरडी के लिए पीएचडी कोर्स के लिए कोई भी अधिसूचना नहीं निकाली गई है। इसके साथ इकाई सह सचिव रॉकी ने विश्वविद्यालय ना खोले जाने को लेकर भी कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने मांग की है कि बिना कोई देरी करते हुए विश्वविद्यालय को खोलने को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाए।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने आज कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के अन्तर्गत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में जाकर अपना टीकाकरण करवाया। केसी चमन ने कहा कि जिला में कोरोना टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि कोरोना वैक्सीन टीकाकरण के सम्बन्ध में किसी भी प्रकार का संशय न रखें। कोरोना वैक्सीन बिल्कुल सुरक्षित है। इससे भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सबसे पहले टीकाकरण किया जा रहा है। जिला में 28 प्रतिशत फ्रन्ट लाईन वर्करों तथा 65 प्रतिशत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का अब तक कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा चुका है। केसी चमन ने कहा कि टीकाकरण के साथ-साथ सभी के लिए कोविड-19 से बचाव के लिए समय-समय पर दिए जा रहे निर्देशांे का पालन आवश्यक है। उन्होंने जन-जन से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार से मास्क पहने कि नाक से लेकर ठोडी तक का हिस्सा पूरी तरह से कवर रहे। सार्वजनिक स्थानों पर 02 व्यक्तियों के मध्य आवश्यक दूरी बनाकर रखे और बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से धोते रहें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. एन.के. गुप्ता, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मुक्ता रस्तोगी सहित पैरामेडिकल कर्मी एवं अन्य उपस्थित थे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश के छह जिलों में 21 से 23 फरवरी तक येलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश मेँ शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में अंधड़ और बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी क्षेत्रों में 24 और 25 फरवरी को मौसम साफ रहेगा। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 21 से 25 फरवरी तक बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 23 फरवरी को पूरे प्रदेश में अंधड़, बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊना में अधिकतम तापमान 27.4, बिलासपुर में 26.0, हमीरपुर में 25.8, सुंदरनगर में 24.2, कांगड़ा-मंडी में 24.1, भुंतर में 23.2, नाहन में 23.0, सोलन-चंबा में 22.8, धर्मशाला में 18.4, मनाली में 16.0, शिमला में 15.8, कल्पा में 12.5, डलहौजी में 9.9 और केलांग में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 6.7, कल्पा में माइनस 1.4, मनाली में 2.0, सोलन में 4.0, मंडी में 4.1, भुंतर में 4.3, शिमला में 5.6, धर्मशाला में 6.0, ऊना में 7.0, हमीरपुर में 8.2, कांगड़ा में 8.4, बिलासपुर में 8.5 और नाहन में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर में बीएस-4 वाहनों के पंजीकरण फर्जीवाड़े में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले की पड़ताल करते हुए पुलिस ने एक कर्मचारी समेत 111 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी कर्मचारी आरएलए ब्रांच में तैनात था। डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने कहा बीएस-4 वाहन पंजीकरण मामले में पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज कर ली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा। बता दें कि कांगड़ा के इंदौरा में भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया थ। टैक्स बचाने के लिए बीएस-4 वाहनों के रजिस्ट्रेशन अप्रैल-2020 में बंद कर दिए गए थे, लेकिन बाद में जाली आधारकार्ड के आधार पर गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन किये गए। इनमें ज्यादातर रजिस्ट्रेशन अप्रैल 2020 से लेकर सितम्बर 2020 के बीच किए गए। जांच में पाया गया कि ज्यादातर लोगों ने जाली आधार कार्ड पेश किए हैं, क्योंकि बाकी राज्यों की अपेक्षा हिमाचल में रजिस्ट्रेशन फीस काफी कम है।
मंडी पुलिस को गश्त के दौरान बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस नशा तस्करों से 7 किलो 190 ग्राम चरस की भारी भरकम खेप बरामद की है। मंडी जिला पुलिस की एसआईयू टीम प्रभारी मनोज वालिया की अगुवाई में चच्योट तहसील के तहत आने वाले देवधार बाड़ा के पास गश्त पर थी। इतने में तीन लोग पैदल चलते हुए आए और पुलिस की टीम को देखकर घबरा गए, दो को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया, जबकि एक व्यक्ति वहां से भाग निकला। थोड़ी दूरी पर पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया। इसके बाद जब इनके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से चरस बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों में जयनन्द पुत्र कर्मसिंह निवासी कश्मिलीधार डाकघर कल्हणी तहसील बालीचौकी उम्र 40 वर्ष, ताराचंद पुत्र चंद निवासी बाड़ा तहसील चच्योट उम्र 65 वर्ष और महेश कुमार पुत्र फते राम निवासी बागी डाकघर कल्हणी तहसील बालीचौकी उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार का लिया है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि चरस की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई और कहां ले जाई जा रही थी, इस बात को लेकर जांच पड़ताल की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश में सतुलज बेसिन में अधिकतर झीलें तिब्बत के इलाके में बनी है। इन झीलों का सीधा प्रभाव हिमाचल में ज्यादा है। उत्तराखंड के चमोली में हुई जल प्रलय ने बड़े खतरे की ओर संकेत किया है। पूरे हिमालय क्षेत्र में बड़े बवंडर की आहट है। पश्चिमी हिमालय में जलवायु परिवर्तन की वजह से ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं, जिसके चलते हर साल प्राकृतिक झीलों के बनने का सिलसिला जारी है। हिमाचल प्रदेश के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद के सेंटर फॉर क्लाइमेट चेंज के मुताबिक प्रदेश की सतलुज, रावी, चिनाव और ब्यास नदी के बेसिन में 935 झीलें बन गई हैं। चमोली जैसी घटना हुई तो यह हिमाचल में बड़ी तबाही मचा सकती है। निशांत ठाकुर ने जानकारी दी कि जलवायु परिवर्तन की वजह से प्रदेश में अनियमित रूप से बारिश और बर्फबारी हो रही है। कभी अत्यधिक बारिश हो रही है तो कभी सूखे जैसी स्थिती बन रही है। बर्फ पड़ने के समय में भी बदलाव हो रहा है। साइंटिफिक स्टडी में यह बताया गया कि साल 1970 से 2020 तक हिमालय क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन की वजह से एक डिग्री तापमान बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर कृषि, बागवानी, भूमिगत जल से लेकर पूरी प्रकृति और मानव जाति पर सीधे तौर पर पड़ रहा है। प्रदेश की राजधानी शिमला में बीते सालों में उत्पन्न हुआ जल संकट इसका बड़ा उदाहरण है। निशांत ठाकुर ने कहा कि विकासात्मक गतिविधियों को रोका नहीं जा सकता, लेकिन सतत विकास से कुछ हद तक खतरे को कम किया जा सकता है। निर्माण से लेकर कार्बन उत्सर्जन तक तमाम गतिविधियां सावधानीपूर्वक करनी होंगी।
प्रदेश के गर्म इलाकों में कृषि-बागवानी क्षेत्र को बढ़ाने के लिए उद्यान विभाग की ओर से क्लस्टर तैयार किए जा रहे हैं। इसमें प्रदेश सरकार की एचपीशिवा योजना में 1688 करोड़ से फलदार पौधे लगाए जाएंगे। किसानों और बागवानों को इसी बजट से सिंचाई और फेंसिंग की सुविधा भी दी जाएगी। सस्ते दामों पर पौधे भी मुहैया करवाए जाएंगे। विभाग ने सात जिलों के 27 खंडों में 347 क्लस्टर तैयार किए गए हैं। इसमें सोलन, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा और सिरमौर शामिल हैं। सोलन को छोड़कर अन्य जिलों में पौधों की रोपाई का कार्य भी शुरू हो गया है। सोलन में जून माह तक तैयार किए क्लस्टरों में रोपाई का कार्य शुरू हो जाएगा। जिला उपनिदेशक उद्यान विभाग डॉ. राजेंद्र कुमर शर्मा ने बताया कि योजना में सोलन के दो गर्म क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय आयुष मिशन के सौजन्य से आयुष विभाग उपमंडल देहरा द्वारा 20 फरवरी 2021 को राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र अम्ब पठियार ज्वालाजी में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। उपमंडलीय आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी देहरा डाॅ. बृजनंदन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में अर्श भगदर रोग विशेषज्ञ, पंचकर्म विशेषज्ञ, बालरोग विशेषज्ञ, मर्म चिकित्सा विशेषज्ञ व अन्य सभी प्रकार के रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक लोगों का उपचार करेंगे व निशुल्क दवाईयां भी वितरित की जाएंगी। डाॅ. शर्मा ने बताया कि राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष व ज्वालामुखी के विधायक रमेश चन्द धवाला मुख्यातिथि के रूप में इस शिविर का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अधिक से अधिक मात्रा में आकर इस शिविर का लाभ उठाएं।
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए रिफॉर्म्स से देश के आर्थिक महाशक्ति बनने का द्वार खुलने की बात कही व कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने की अपील की है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने व सवा सौ करोड़ देशवासियों का भविष्य संवारने के लिए मोदी सरकार कटिबद्ध है। भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने व देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मोदी सरकार ने वर्ष 1991 से भी ज़्यादा रिफॉर्म्स किए हैं। कोल, मिनरल ,पॉवर, रक्षा क्षेत्र, सिविल एविएशन, सोशल इन्फ्रा प्रोजेक्ट, स्पेस और एटॉमिक एनर्जी के उन सभी क्षेत्रों में हमने ऐसे बड़े रिफॉर्म्स किए हैं जो भविष्य में सशक्त ,समर्थ व समृद्ध भारत की इबारत लिखेगा। भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी उपलब्धि सुशासनयुक्त व भ्रष्टाचार मुक्त सरकार है। पहले दिल्ली से लेकर शिमला के सत्ता गलियारों में जिन दलालों- बिचौलियों की तूती बोलती थी, उनका सफ़ाया करने का काम मोदी सरकार ने किया है। अनुराग ठाकुर बोले हमने इस बार के बजट में विकास के नए अवसरों को बढ़ाने, हमारे युवाओं के लिए नई ओपनिंग, मानव संसाधनों के लिए एक नया उच्च स्तर, बुनियादी ढांचे के लिए नए क्षेत्रों को विकसित करने, प्रौद्योगिकी की ओर चलने और इस बजट में नए सुधार लाने के दृष्टिकोण की कोशिश की है। कोविड के बाद भारत के पहले वित्तीय रोडमैप के तौर पर केंद्रीय बजट 2021-22 में स्वास्थ्य देखभाल पर अनिवार्य ज़ोर के अलावा आर्थिक रिकवरी, विकास और नौकरी के सृजन पर ध्यान देने की उम्मीद की जा रही थी और बजट की घोषणाएं उन उम्मीदों के मुताबिक़ ही हैं। एग्रीकल्चर के क्रेडिट टारगेट को 16 लाख करोड़ तक किए जाने का रास्ता साफ़ किया है। किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि में 65000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। यूपीए सरकार से करीब तीन गुना राशि मोदी सरकार ने किसानों के खातों में पहुंचाई। मोदी सरकार ने देश के किसानों को सुलभ ऋण प्रदान करने के लिए इस वर्ष के बजट में उनके लिए 16.5 लाख करोड़ रूपए का प्रावधान रखा है। साथ ही माइक्रो इरीगेशन फंड को दोगुना किया गया है, जिससे कृषि क्षेत्र को बल मिलेगा। मोदी सरकार पूरी दृढ़ता से महिला सशक्तिकरण के प्रति समर्पित है और इसी का परिणाम है कि हमने बजट 2021- 22 में हमने महिलाओं का विशेष ध्यान रखा है। महिलाओं के लिए चलाई जा रही विशिष्ट योजनाओं के लिए 28,600 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। पोषाहार योजना के लिए वर्ष 2020-2021 के लिए 35,600 करोड़ रुपए का आवंटन हुआ है।
आईपीएल-14 के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में हिमाचल प्रदेश के वैभव अरोड़ा की लाटरी भी लगी है। इन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने बीस लाख रुपये में खरीदा है। ऑलराउंडर वैभव का बेस प्राइस बीस लाख रुपये ही था। इस साल ही वैभव ने सैयद मुश्ताक अली क्रिकेट टूर्नामेंट से टी-20 में पदार्पण किया है। प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन का इन्हें इनाम मिला है। छह मैचों में इन्होंने दस विकेट झटके। दस जनवरी, 2021 को इन्होंने छत्तीसगढ़ के खिलाफ अपना पहला टी-20 मुकाबला हिमाचल प्रदेश के लिए खेला। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वैभव ने 9 दिसंबर, 2019 को प्रदेश के लिए पहला मुकाबला खेला था।
जिला चम्बा के जनजातीय क्षेत्र पांगी के किलाड़ हैलीपेड मार्ग पर पिकअप हादसे में घायल एक महिला की मौत हो गई है। महिला ने कुल्लू से मण्डी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हुए। उन्हें गंभीर हलात में उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल रैफर किया गया था। इसमें महिला हंसी देवी पत्नी सुमी राम निवासी करयास पांगी की नाजुक हलात को देखते हुए उसे डॉक्टरों ने मंडी रैफर कर दिया, लेकिन महिला ने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। पांगी थाना प्रभारी स्वारूप सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी को यह हादसा पेश आया था। इसके बाद तीनों घायलों को स्थानीय अस्पताल से कुल्लू रैफर कर दिया गया था। जहां पर मंडी लेते समय महिला ने दम तोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
हमीरपुर के भोटा आग्गर गांव में बुधवार रात को दो घरों में चोरी हुई। जिससे तकरीबन 490000 हजार की ज्वेलरी लेकर चोर फरार हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरी तकरीबन 10:30 बजे हुई, जब घरवाले सोए हुए थे। लेकिन घरवाले सुबह उठे तो अलग-अलग घरों में अलमारी के ताले टूटे हुए देखे। जिसमें एक घर से चार लाख के ज्वेलरी ले गए और दूसरे में तकरीबन 490000 हजार की ज्वेलरी अपने साथ ले गए हैं। घर वालों ने ताले टूटे हुए और लॉकर में ज्वेलरी ना मिलने पर पुलिस को फोन किया तो पुलिस ने मौके पर आकर तलाशी शुरू कर दी। वहीं भोटा चौकी के इंचार्ज एएसआई आजेब सिंह का कहना है कि चोरी की सूचना मिलने पर हमारी टीम मौके पर पहुंची और जांच में पाया कि अलग-अलग दो घरों में 490000 हजार की ज्वेलरी चोरी हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि चोरों की तलाश की जा रही है। बहुत जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
कुल्लू जिले की सैंज घाटी के गांव मझाण में आग लगने से 13 कमरों को एक ढाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया। गुरुवार की अलसुबह लगी आग से पूरा घर स्वाह हो गया है। मकान में पांच परिवारों के 25 लोग रहते थे। आग लगने के बाद मझाण गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार कृष्ण चंद पुत्र चुनी लाल, धर्म पाल पुत्र चुनी लाल, संजीव पुत्र चुनी लाल, लाली देवी पत्नी चुनी लाल, रमी देवी पत्नी काहन चंद के संयुक्त मकान में गुरुवार की अलसुबह अचानक चिंगारी सुलग उठी। घर के सभी लोग गहरी नींद में सोए हुए थे। अचानक आग लगने का पता लगते ही परिवार के लोग बाहर अपनी जान बचाकर भागे और मवेशियों को भी जैसे-तैसे बाहर निकाला।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों को 545 नए शिक्षक मिल गए हैं। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने गुरुवार को टीजीटी की बैचवाइज भर्ती परिणाम जारी कर दिया है। टीजीटी आर्ट्स में 302, मेडिकल में 101 और नॉन मेडिकल में 142 शिक्षकों को नियुक्तियां दी गई हैं। सभी नवनियुक्त शिक्षकों को 15 दिन के भीतर पद ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी भर्तियां अनुबंध आधार पर की गई हैं। प्रिंसिपलों को सभी दस्तावेज जांचने के बाद ज्वाइनिंग लेने को कहा है। भर्ती प्रक्रिया में सामान्य वर्ग में 1999 में बीएड करने वालों का टीजीटी आर्ट्स की भर्ती में नंबर आया है। टीजीटी की बैचवाइज भर्ती में सामान्य वर्ग के लिए नॉन मेडिकल में 1998 और मेडिकल में 2001 के बैच वालों को नौकरी मिली है। सामान्य वर्ग में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग में आर्ट्स में 2001, नॉन मेडिकल में 1999 और मेडिकल में 2003, अनुसूचित जाति में आर्ट्स के 2003, नॉन मेडिकल में 2005 और मेडिकल में 2006, अनुसूचित जनजाति में आर्ट्स के 2003, नॉन मेडिकल के 2006 और मेडिकल में 2005 के बैच वालों को नौकरी मिली है। गुरुवार को जारी हुए बैचवाइज परिणामों में कई ऐसे बेरोजगार भी शिक्षक बने हैं। जिन्हें सिर्फ पांच से आठ साल तक सरकारी नौकरी करने का मौका मिला है। यह शिक्षक 1968 से 1973 के बीच जन्मे हैं। ऐसे में 58 साल की आयु पूरी होने पर इनकी सेवानिवृत्ति वर्ष 2026 से 2030 के बीच होगी।
भारत के सबसे बड़े औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती को हिमाचल प्रदेश में अपना कार्यालय नसीब हो गया है। एक दशक के लंबे संघर्ष के बाद लघु उद्योग भारती को बददी डीआईसी इंडस्ट्रियल एरिया में स्वर्ण जयंती चौक पर यह कार्यालय प्रदेश सरकार व उद्योग विभाग के सहयोग से प्राप्त हुआ है। गुरुवार को लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव कंसल की अगुआई में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल उद्योग विभाग बद्दी के कार्यालय में जाकर उप निदेशक संजय कंवर से भेंट की जिन्होने लघु उद्योग भारती ऑफि़स की चाबी पदाधिकारियों को सौंपी। उपनिदेशक ने कहा कि उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के विकास के कारण पिछले वर्ष ही इसे लघु उद्योग भारती को देने की घोषणा की थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसमें देरी हुई। उन्होंने कहा कि एमएसएमई सैक्टर के विकास में लघु उद्योग भारती का अहम रोल है और संगठन ने सरकार की नीतियों का पूरे प्रदेश में प्रचार प्रसार किया है, जिससे रोजगार का सृजन हुआ है। नए कार्यालय की चाबी ग्रहण करने के बाद प्रदेशाध्यक्ष राजीव कंसल ने कहा की लघु उद्योग भारती की बर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है जिसके लिये हम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उद्योग एवं श्रम रोजगार मंत्री विक्रम ठाकुर , निदेशक हंस राज शर्मा, उप निदेशक संजय कंवर के आभारी रहेंगे। उन्होंने लघु उद्यमियों को बधाई देते हुए आश्वस्त किया की जल्दी ही ऑफि़स को तैयार कर उद्योग मंत्री द्वारा इसका उदघाटन करा दिया जाएगा। इस मौके पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कंसल, प्रदेश सह-सचिव अनिल मलिक, संगठन सचिव रमेश राणा ,फार्मा विंग के संयोजक चिरंजीव ठाकुर, सह संयोजक देवेंद्र राणा, बददी इकाई के अध्यक्ष रामकृष्ण शर्मा, महासचिव सनी गर्ग, कैशियर वेद प्रकाश मिश्रा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रदेशाध्यक्ष राजीव कंसल ने बताया कि इस कार्यालय में उद्योग विभाग की समस्त नीतियों की जानकारियां हमारा कार्यालय सचिव निशुल्क देगा और यहां पर एक रोजगार सेवा केंद्र भी चलाया जाएगा। इसके अलावा जो भी बेरोजगार युवा अपना सूक्ष्म एवं लघु उद्योग चलाना चाहता है उसको भी निशुल्क गाईडैंस प्रदान की जाएगी ताकि वो अपना स्वरोजगारशुरु कर सके।
नगर परिषद बद्दी के हाऊसिंग बोर्ड फेस-3 स्थित अमरावती अपार्टमेंट में मूलभूत सुविधाएं न मिलने के कारण लोगों में काफी रोष व्याप्त है। वीरवार को लोगों का एक प्रतिधिमंडल अपनी समस्याओं को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला चौधरी को मिला व उनको अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। अमरावती अपार्टमेंट के निवासी स्वर्ण ठाकुर, दीना नाथ शर्मा, मनोज कुमार, राज कुमार शर्मा, संतोष राणा, रणजीत सिंह, अजय ठाकुर, पंकज ठाकुर, राजेश कुमार, सुरेश कुमार, विकास कुमार व अन्य लोगों का कहना है कि अमरावती सोसायटी में करीबन 1200 से 1400 परिवार रहते हैं। यहां पर पार्किंग की सुविधा न होने के चलते लोगों को अपने वाहन सोसायटी रोड पर सड़क पर ही खडे करने पडते हैं, जिससे हर रोज गाड़ी निकालने के चक्कर में कोई न कोई झगड़ा होता रहता है। इस सोसायटी में पिछले 15 साल से कंस्ट्रक्शन के कार्य चल रहे हैं। जिससे जगह-जगह धूल मिट्टी होने के कारण बच्चों व बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उपरोक्त लोगों का कहना है कि यहां पर बिल्डरों के द्वारा नई कंस्ट्रक्षन का काम तो शुरू कर दिया जा है लेकिन यहां के लोगों जो मूलभूत सुविधाएं चाहिए व भी उनको नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बडी समस्या गाडिय़ों को पार्क करने की है, जिसको लेकर आज तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने मांग की है कि सोसायटी के अंदर होने वाली कंस्ट्रक्शन के कार्य को बंद करवाया जाए और सोसायटी के अंदर खाली पड़ी जगहों पर पार्क व पार्किंग स्थल बनाकर इसको विकसित किया जाए, जिससे आम लोगों को इसका लाभ मिल सके। इस बारे नगर परिषद बद्दी की अध्यक्ष उर्मिला चौधरी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह समस्या उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लोगों की इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
कुछ कर गुजरने का हौसला हो तो मंजिल मुश्किल नही होती यही सच करने के लक्ष्य पर निकल पड़ी है बिहार की रहने वाली सविता और उत्तराखंड की रहने वाली श्रुति रावत। बता दें की ये दोनों बेटिया 5700 किलोमीटर की साइकिलिंग के लिए निकली है। इस की वजह है लोगों को प्रोत्साहित करना और जागरूक करना! सविता और श्रुति ने कहा कि वे देशवासियों को संदेश देना चाहती है की लड़का हो या लड़की कोई भी काम उनके लिए असंभव नहीं होता। इसके अलावा उन्होंने प्रदूषण के ऊपर भी चिंता जताई। दोनों बेटियां पचासी दिन साइकिलिंग करेंगी। जिसमें अटारी बॉर्डर से अरुणाचल तक की दूरी तय की जाएगी। आज 16 दिन की दोनों बेटियां कोटखाई पहुंची और कोटखाई में डीएवी कॉलेज के प्रधानाचार्य आर के जिसटु ने उनका स्वागत किया तथा उनके लिए भोज का भी आयोजन किया। इस मौके पर दोनों बेटियां कॉलेज के बच्चों से भी मिली और अपना अनुभव साझा किया।
भारतीय मजदूर संघ के नेता खुशहाल चन्द ने लोक निर्माण विभाग मंडी नम्बर वन के तहत साहल गरलोग सड़क पर नावार्ड के तहत हो रहे कार्य पर धांधली का हो रही है। खुशहाल चन्द का कहना है कि इस सड़क पर क्लास वन ठेकेदार काम कर रहा है लेकिन ठेकेदार द्वारा कार्य को सही नही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क में डंगो का निर्माण हो रहा है, लेकिन डंगो में सिंगल पथर की चिनाई की जा रही है। खुशहाल चन्द ने कहा कि इन डंगो को दोबारा उखाड़ा जाए और नए सिरे से कार्य निर्माण हो। इस सड़क पर सरकार द्वारा करोड़ो रूपये खर्च किये जा रहे है, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। लेकिन सरकारी अमले द्वारा भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने पधर सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हें डंगो और सड़क कार्य का कोई अनुभव नही है। खुशहाल चन्द के साथ साथ अन्य ग्रामीणों में महेंद्र सिंह, नेत्र सिंह , खेम सिंह , नाग राज , मंगत राम , लेख राम सहित अन्य लोगों ने विभाग के प्रति रोष प्रकट किया है। एसडीओ पधर जितेश कुमार शर्मा का कहना है कि साहल गरलोग सड़क पर डंगो का कार्य निर्माण सही हो रहा है, जो भी आरोप लगाये जा रहें है वो सरासर गलत हैं ।
भारतीय थल सेना में सोलन, शिमला, सिरमौर तथा किन्नौर जिला के युवाओं के लिए भर्ती प्रथम मार्च से 12 मार्च 2021 तक चैधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर, जिला कांगड़ा में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी सेना भर्ती कार्यालय शिमला के निदेशक भर्ती कर्नल तनवीर सिंह मान ने दी। उन्होंने कहा कि यह भर्ती सैनिक तकनीकी (पुरूष), सैनिक तकनीकी (गोला बारूद परीक्षक) (पुरूष), सैनिक तकनीकी (उड्डयन) (एक्स ग्रुप) (पुरूष) तथा सैनिक तकनीकी (उपचार सहायक) (एनए) (पुरूष) पदों के लिए आयोजित की जाएगी। कर्नल मान ने कहा कि मापदंड और योग्यता के लिए सेना भर्ती कार्यालय शिमला द्वारा प्रथम फरवरी, 2021 की अधिसूचना का अवलोकन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी उम्मीदवारों को परामर्श दिया है कि भर्ती के सम्बन्ध में दलालों और धोखेबाज लोगों से दूर रहें और नशीले पदार्थों के सेवन से बचें।
सोलन जिला की समस्त ग्राम सभाओं की प्रथम बैठक 28 फरवरी, 2021 को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जिला पंचायत अधिकारी सोलन मोती लाल ने दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 5 के अन्तर्गत अंकित प्रावधान के अनुसार इस सम्बन्ध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिला पंचायत अधिकारी ने कहा कि ग्राम सभा की बैठक में ग्राम पंचायतों में विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत लाभार्थियों के चयन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) बजट, ग्राम पंचायत विकास योजना के अनुमोदन तथा ग्राम पंचायतों के वार्षिक बजट को पारित करने का निर्णय लिया जाएगा। ग्राम सभा की बैठकों में कोविड-19 के सम्बन्ध में केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशों तथा मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
नगर निगम सोलन के लिए निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव ने नायब तहसीलदार जवाला दास को मतदाता सूचियों को अद्यतन एवं तैयार करने के लिए संशोधन प्राधिकारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति हिमाचल प्रदेश नगर निगम नियम, 2012 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई हैं। जवाला दास को नगर निगम सोलन के वार्ड संख्या 01 से 17 की मतदाता सूचियों को अद्यतन एवं तैयार करने के लिए संशोधन प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। वे इस सम्बन्ध में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा सुनिश्चित बनाएंगे। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे इस कार्य को पूर्ण करने के लिए हिमाचल प्रदेश नगर निगम नियम 2012 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित बनाएं और प्रदत्त कार्य को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करें।
कुनिहार की प्रसिद्ध प्राचीन शिव ताण्डव गुफा में शिवरात्रि के उपलक्ष्य पर 11 दिवशीय शिवमहापुराण कथा का आयोजन गुफा विकास समिति व शम्भु परिवार के सौजन्य से करवाया जाएगा। समिति अध्यक्ष रामरतन तनवर ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा का शुभारम्भ 28 फरवरी से पुराण स्वागत व भव्य कलश यात्रा के साथ होगा जिसे 10 मार्च को पूर्णाहुति के साथ विराम दिया जाएगा। इस कथा को कथा वाचक राजकुमार रसिक अपने मुखारविंद से भक्तों को सुनाएंगे। कथा का समय दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक रहेगा व 4 से 6 बजे तक प्रतिदिन भण्डारा वितरण का कार्यक्रम रहेगा। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमे कई कार्यक्रम होंगे। गुफा विकास समिति व शम्भु परिवार ने सभी शिव भक्तों से कथा श्रवण करने व अन्य कार्यक्रमो में बढ़चढ़ भाग लेने की अपील की है। समिति अध्यक्ष ने बताया कि 21 फरवरी रविवार को गुफा में होने वाले इन सभी कार्यक्रमों के लिए विकास समिति व शम्भु परिवार के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों की एक विशेष बैठक रखी गई है, जिसमे कार्यक्रमों की व्यवस्था पर चर्चा कर रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उपमंडल चंबा की ग्राम पंचायत सराहन में महिला ने पेड़ से फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना से एक टीम मौके पर पहुंच कर आगामी कार्रवाई में जुट गई है। फिलहाल महिला के आत्मघाती कदम उठाने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार सराहन पंचायत के लुहारका का गांव की हीनू गुरुवार सवेरे घर से घास लेने के लिए जंगल को रवाना हुई थी। मगर काफी देर तक वापिस न लौटने पर जब परिजनों ने उसकी तलाश आरंभ की तो उसे जंगल में पेड़ से लटका पाया। परिजनों के शोर मचाने पर मौके पर लोगों की भीड़ आ जुटी। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मृतका के मायका पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी है। परिजनों व मायका पक्ष के बयान के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भण्ड़ारी ने भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश अमरप्रीत सिंह लाली व राष्ट्रीय सचिव एवं सहप्रभारी हिमाचल प्रदेश दामन बाजवा की अनुशंसा से प्रदेश युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को जिलेवार प्रभारी नियुक्त किया हैं। प्रदेश अध्य़क्ष नेगी निगम भण्ड़ारी पूरे प्रदेश का कार्य देखेंगे और प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में कार्यकारी अध्यक्ष और सभी जिला प्रभारी कार्य करेंगे। प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमित पठानिया को जिला ऊना, मण्ड़ी, किन्नौर, चम्बा और लाहौल स्पीति का प्रभार सौंपा गया हैं, इस के अतिरिक्त अमित पठानिया को प्रशिक्षण शिविर का जिम्मा भी सौंपा हैं। प्रदेश महासचिव गोविन्द शर्मा व राहुल चैहान को जिला शिमला ग्रामीण, होतम राम व अनु कुमारी मराठा को जिला मण्ड़ी का सहप्रभारी, गोल्ड़ी चैधरी को जिला सोलन, सुरजीत सिंह भरमौरी, रवि ठाकुर और सुक्रांत भाटिया को जिला कांगड़ा, अंकुश ठाकुर और अभा नेगी को जिला कुल्लू, रजनीश मैहता, अरूणा महाजन व अबदुल खलिक को जिला ऊना, अखिल अग्निहोत्री, प्रीति व नीलम कौंड़ल को जिला हमीरपुर, ईशान ओहरी, जितेन्द्र धीमान, अनिता देवी व लक्की सिंह को जिला बिलासपुर, अलोब चैहान और प्रेम ड़ोगरा को जिला सिरमौर, रितिका ठाकुर व कांता दिवान को शिमला शहरी और ज्योति कुमारी व दिशा सूद को जिला चम्बा का सहप्रभारी बनाया गया हैं। नेगी निगम भण्ड़ारी ने सभी नवनियुक्त जिला प्रभारियों को निर्देश दिया हैं कि वे तुरन्त अपने-अपने जिलों का दौरा करें। जिला व विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा बैठक और हर माह जिलों की गतिविधियों की रिर्पोट प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भेजनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुछ ही महीनों बाद चार नगर निगमों के चुनाव होने जा रहें हैं, जिसमें धर्मशाला, पालमपुर, सोलन व मण्ड़ी शामिल हैं।
महाविद्यालय तीसा में चारदीवारी न होने से विद्यार्थी अपने आप को असहज महसूस कर रहे हैं। महाविद्यालय में चल रही अन्य मांगों को लेकर एसएफआई इकाई तीसा ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। एसएफआई के इकाई सचिव ओम ने बताया कि कॉलेज की लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को समय पर अखबार उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा कॉलेज में कंप्यूटर लैब की व्यवस्था होने के बावजूद कंप्यूटरों को चालू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में चारदीवारी न होने की सूरत में बाहरी तत्व अक्सर हुड़दंग मचाते रहते हैं। इसके अलावा कर्मचारियों के पद रिक्त होने से कॉलेज में तैनात स्टाफ पर काम का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। परिसर सचिव ने बताया कॉलेज में पीने के पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं है। इसके चलते विद्यार्थियों को पानी पीने के लिए महाविद्यालय परिसर से बाहर का रुख करना पड़ता है। कॉलेज प्राचार्य ने एसएफआई की ओर से सौंपे गए ज्ञापन संबंधी मांगों को जल्द पूरी करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर इकाई छात्रा उपसमिति संयोजक गणेशु, शकुंतला देवी, मोहिनी, रूप सिंह आदी मौजूद रहे
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए समकालीन चुनौतियों का सामना करने के लिए युवाओं में साहस और क्षमता का निर्माण करने को कहा। राज्यपाल आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 32वें वार्षिक कोर्ट की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आंतरिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होनें सदस्यों को जवाबदेही और जिम्मेदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालय न्यायालय के कुछ सदस्यों की अनुपस्थिति पर चिंता व्यक्त की। दत्तात्रेय ने कहा कि विश्वविद्यालय को अपनी आय बढ़ाने, अनुसंधान और विकास पर जोर देना चाहिए। ऊष्मायन केंद्र व स्टार्ट-अप्स स्थापित करना चाहिए और पेटेंट प्राप्त करने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की कुल आय की तुलना में खर्चा बहुत अधिक है, जो अनुसंधान, नवाचार और नई परियोजनाओं के लिए बहुत कम गुंजाइश रखता है। हमें तीन प्रमुख तत्वों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए जो राष्ट्र की प्रगति में योगदान देते हैं। इनमें शिक्षा, रोजगार और सशक्तिकरण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जब देश के युवा शिक्षित होते हैं तब राष्ट्र मजबूती के साथ आगे बढ़ता हैं। एक मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करने का समय आ गया है , यह तभी संभव है जब युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के 50 वर्ष पूरे होने पर वृत्तचित्र-एचपी यूनिवर्सिटी प्रेजेंट, पास्ट एंड फ्यूचर का विमोचन किया। उन्होंने कुलजीत का एक संशोधित संस्करण भी जारी किया। बैठक में विश्वविद्यालय न्यायालय ने वर्ष 2016-17 के वार्षिक खातों और वर्ष 2018-19 की वार्षिक रिपोर्ट को भी मंजूरी दी। इस अवसर पर कुलपति प्रो सिकंदर कुमार ने राज्यपाल को सम्मानित किया और पिछले वर्ष की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों से भी अवगत कराया। रजिस्ट्रार सुनील शर्मा, ने कार्यवाही का संचालन किया और धन्यवाद प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया।
आनी खण्ड की लफाली पंचायत के नगाणी गांव के समीप बिजली के खंभे के पास विस्फोट के बाद लावा जैसा पदार्थ निकलने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। तहसीलदार आनी दलीप शर्मा ने मौके का दौरा किया। उन्होंने मौके पर से सेम्पल इकट्ठा कर दिया है, जिसे भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण केंद्र को भेजा जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट और लावे जैसे पदार्थ की असलियत का पता चल सकेगा। तहसीलदार दलीप शर्मा ने बताया कि मौके पर जाकर उन्होंने देखा कि लावा जैसा पदार्थ जमीन पर बिखरा तो था जो अब ठोस हो चुका था। उन्होंने बताया कि मौके पर से अधिकांश लावा जैसा पदार्थ गायब था, जिसे जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने एकत्र कर लिया होगा। प्रथम दृष्टया में यह लावा प्रतीत नहीं होता, लेकिन इस विस्फोट और लावे की सच्चाई का पता रिपोर्ट आने के बाद ही लग सकेगा।


















































