नरेंद्र डाेगरा । लंबागांव ग्राम पंचायत लोअर लंबागांव के बाबा कोड़गिर मंदिर में जागरूकता शिविर लगाया। वित्तीय साक्षरता शिविर के तहत आज कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा लंबागांव के शाखा प्रबंधक साहिल जैन और लिपिक कमल कुमार अजीत कुमार के द्वारा शिविर लगाया गया, जिसमें जनता को ज्वाइंट लायबिलिटी ग्रुप सेल्फ हेल्प ग्रुप किसान क्रेडिट कार्ड एंड डेबिट कार्ड प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जीवन ज्योति बीमा योजना ऋण योजना स्वरोजगार योजना व आज कल हो रही वितीय धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी। इस शिविर में उप प्रधान हरि दास, विकास राणा अरुण अंशुल सूद आशा कुमारी के साथ गांव के लोग भी उपस्थित रहे।
मनीष ठाकुर। इंदाैरा नाडा इंडिया फॉउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य पर ऑनलाइन बेबीनार का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य तंबाकू पर कर बढ़ोतरी रहा। इस ऑनलाइन बेबीनार में भारत के भिन्न-भिन्न भागाें से लोगों ने भाग लिया और तंबाकू पर अपने अपने विचार प्रेषित किया। इस बेबीनार में मुख्य रूप से हिमाचल, पंजाब, हरियाणा के स्वयंसेवकों ने भाग लिया और इस बेबीनार में मुख्य रूप से अतिथि हिमाचल प्रदेश से प्रशासनिक अधिकारी ओशिन शर्मा, डॉ. भावना शर्मा व डॉ. मूल राज आदि ने मुख्य रूप से भाग लिया। इसमें मुख्य रूप से इस विषय पर बात की गई कि अगर सरकार द्वारा तम्बाकू उत्पादों पर करों की बढ़ोतरी की जाती है, तो इसके क्या लाभ और क्या नुकसान हो सकते हैं। इसी सिलसिले में प्रशासनिक अधिकारी ओशिन शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में तम्बाकू का उपयोग व्यापक पैमाने पर हो रहा है और युवाओं को यह खोखला करता जा रहा है, करो पर वृद्धि होने से इसमें रोकथाम हो सकती है। डॉ. भावना शर्मा ने कहा कि तम्बाकू करो पर बढ़ोतरी से सरकार के राजस्व में तो वृद्धि होगी ही होगी और साथ में लोगों को जैसे इसको खरीदने में दिक्कत आएगी, तो कहीं न कहीं इसका इतेमाल कम होता जाएगा और इसका उपयोग भी कम होगा। सन्नी सूर्यवंशी ने बताया कि करों की बढ़ोतरी पिछले पांच छह वर्षाें से नही हुई है। अगर तम्बाकू उत्पादों पर करों की बढ़ोतरी होगी, तो आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पांच ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी का सपना पूरा करने में यह मददगार होगा।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षु किसानों से बोले कुलपति प्रदेश से पचास किसानों ने जाना मछली प्रबंधन व कौशल प्रतिमा राणा। पालमपुर चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में गुरूवार को राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड द्वारा प्रायोजित, मछली किसानों के लिए एक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। 50 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित करने के बाद मुख्यातिथि कुलपति प्रो. एचके चौधरी ने मछली पालन के महत्व को रेखांकित किया। प्रोफेसर चौधरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की स्नो ट्राउट जैसी मछली की प्रजातियां पूरे देश में जानी जाती हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को मछली चारा तैयार करने की सलाह दी। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे अपने आस-पड़ोस के अन्य किसानों के बीच नए ज्ञान का प्रसार करें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के किसानों की सेवा और छात्रों को ज्ञान प्रदान करने के दोहरे कर्तव्य हैं। हिमाचल प्रदेश की जरूरतें और विभिन्न कृषि जलवायु की जरूरतों के लिए विश्वविद्यालय अनुसंधान और प्रौद्योगिकी का विकास भी करता है। उन्होंने कहा कि किसानों को गेहूं, चावल और मक्का जैसी तीन फसलों से परे सोचने की जरूरत है। उन्होंने कृषि आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, मधुमक्खी पालन, मशरूम की खेती आदि को अपनाने जैसी एकीकृत खेती की सलाह दी। कुलपति जी ने खेती के लिए वर्षा जल संचयन और जल प्रबंधन के महत्व पर भी चर्चा की। उन्होंने एक प्रशिक्षण पुस्तिका भी जारी की। प्रसार शिक्षा निदेशक डा. वी.के. शर्मा ने कार्यक्रम में प्रसार गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों से एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने को कहा। डॉ. जीसी नेगी पशु चिकित्सा एवम पशु विज्ञान महाविद्यालय के डीन डॉ. मनदीप शर्मा ने कहा कि किसानों को अच्छी आय प्राप्त करने के लिए मछली को स्वस्थ रखने के लिए जागरूक होना चाहिए। उन्होंने किसानों से कहा कि वे नियमित रूप से संस्थान का दौरा करें। प्रशिक्षण समन्वयक एवं मत्स्य विभाग की प्रमुख डॉ. डेजी वाधवा ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में हिमाचल प्रदेश के प्रशिक्षुओं के अलावा बिहार के एक प्रशिक्षु ने भाग लिया। प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. मधु शर्मा, डॉ. तरंग शाह और डॉ. अरुण शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में कुछ प्रशिक्षुओं ने उपयोगी प्रशिक्षण के लिए विश्वविद्यालय का धन्यवाद दिया।
प्रतिमा राणा। पालमपुर मुख्य संसदीय सचिव एवं विधायक पालमपुर आशीष बुटेल ने नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक की। निगम कार्यालय में आयोजित बैठक में महापौर पूनम बाली, उपमहापौर अनीश नाग, पार्षद राज कुमार, सोना सूद, दिलबाग सिंह, शशि डिंपल, गोपाल चंद्र नाग, संजय राठौर, इंदु ठाकुर, निशा राज, नीलम मलिक, संतोष अकेला निशा देवी, विनय कुमार और मोनिका शर्मा सहित नगर निगम के आयुक्त डॉ. विक्रम महाजन, संयुक्त आयुक्त एसएम सैनी सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। शीष ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्ड क्षेत्र में योजनात्मक तरीके से जन सुविधाओं को ध्यान में रखकर कार्य योजनाओं को तैयार करने की अपील की। उन्होंने आश्वाशन दिलाया कि विकास कार्यों के लिये धन की कोई कमी आड़े नहीं आएगी और सरकार विकास कार्यों के लिए पूर्ण सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार व्यवस्था परिवर्तन के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग किसी सूरत में नहीं होना चाहिए और निगम अधिकारी इस बात को सुनिश्चित करें कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी रूप में समझौता ना हो। उन्होंने कि शहर में पार्किंग स्थलों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और शहर में छोटे-छोटे पार्किंग स्थानों को चिन्हित कर लोगों को अधिक पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाने की बात कही। उन्होंने निगम क्षेत्र में लगाई गई सौरऊर्जा लाइटों के पूर्ण रूप में नहीं जलने पर निगम अधिकारियों को इनकी गुणवत्ता की जांच करवाने तथा इसमे किसी रूप में अनियमिताएं पाए जाने पर कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में बेहतर शौचालय, पार्किंग, सड़क सुविधाएं, पार्क और खेल मैदान इत्यादि बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का भी आह्वान किया।
मनीष ठाकुर । इंदाैरा स्वयंभू प्रकट,आदशिवलिग एवं प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा, काठगढ़, इंदौरा हिमाचल प्रदेश के प्रधान ओम प्रकाश कटोच, परीक्षा संयोजक रमेश शर्मा, महासचिव सुभाष शर्मा, कार्य लाया सचिव जोगिंद्र पाल भारद्वाज प्रेस सचिव सुरेंद्र शर्मा, वेव सचिव मोहन शर्मा, ने जानकारी देते हए कहा कि सभा द्वारा पिछले कई वर्षों की भांति इस वर्ष भी मेधावी छात्रवृती प्रतियोगिता 22 जनवरी रविवार को संचालित की जा रही है, जिसके लिए हिमाचल प्रदेश व पंजाब के 16केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें शिव मंदिर काठगढ़, रावमापा बाड़ी कंदराेड़ी, राप्रापा बडूखर, रावमापा लोधवा, रावमापा जसूर, रावमापा जवाली, राजकीय कन्या वमापा नूरपुर, रा कन्या व मापा रेहन, रावमापा गंगथ, रावमापा फतेहपुर, रावमापा शाहपुर, रावमापा, ठाकुरद्वारा, दया नंद माडल स्कूल धरमशाला, राव मापा नगरोटा सूरियां तथा सर्वहित कारी विद्या मंदिर तलवाड़ा, सर्वहितकारी विद्या मंदिर हाजीपुर, पंजाब में लगभग 1500 पांचवीं, दसवीं, जमा दो 12वीं, नॉनमेडिकल व मेडिकल के बच्चे भाग लेंगे। परीक्षा की सामग्री फार्म इत्यादि सभी केंद्रो पर पिछले माह पुहचा दिए गए हैं। इसके लिए प्रवेश पत्र व अन्य जानकारी मंदिर की वेबसाईट पर भी डाउलोड करके प्राप्त कर सकते हैं और ऑनलाइन लिंक द्वारा भी फार्म भर सकते हैं। प्रवेश पत्र शुल्क दसवीं, जमा दो के लिए 50 रूपए व पांचवीं के लिए 20 रूए रखा गया है। प्रश्न पत्र व ओएमआर शीट निःशुल्क सभा द्वारा दी जाएगी। इसके साथ सभा द्वारा प्रवेश पत्र केंद्र में जमा करवाने की तिथि 10 जनवरी से बढ़ाकर 15 जनवरी करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद कोई भी प्रवेश पत्र मान्य नहीं होगा। इसके साथ सभा के प्रेस। सचिव सुरेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि ओएमआर प्रणाली के तहत कि जाने वाली प्रतियोगिता परीक्षा के बहुविकल्पीय आधार पर 100 प्रश्न होंगे। परीक्षा का समय दोपहर 12:00 से 1:30 तक रहेगा और मेरिट में आने वाले बच्चों को तीन दिवसिय जिला स्तरीय महाशिवरात्री पर्व पर सभा की ओर से मुख्यातिथि के कर कमलों द्वारा नकद राशि, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। परीक्षा प्रभारी समन्वयक इन्विजिलीटर भी लगा दिए गए हैं, जो कि अपनी निःशुल्क सेवा देंगे प्रश्न पत्र का माध्यम हिन्दी व अंग्रजी में संयुक्तरूप से होगा परीक्षार्थियों को रोल नंबर केंद्र प्रभारी द्वारा प्रेषित किए जाएंगे।
बोले, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम कर रही सुक्खू सरकार फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला स्वामी विवेकानंद के जीवन का बड़ा ध्येय था युवा शक्ति को कर्मशीलता के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करना। वे हमेशा कहते थे कि हमारे युवा जी-तोड़ मेहनत करें और उससे जीवन में सफलता पाएं। हिमाचल में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार युवाओं का उज्ज्वल भविष्य तय बना कर स्वामी जी के ध्येय को पूरा करने का काम कर रही है। शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने यह बात स्वामी विवेकानंद की 160वीं जयंती के उपलक्ष्य पर विवेकानंद केंद्र कन्या कुमारी की कांगड़ा शाखा द्वारा द्रोणाचार्य पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज रैत में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करते हुए कही। चिन्मयानंद मिशन पटियाला पंजाब के आचार्य स्वामी माधवानंद ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, उत्तर प्रदेश प्रांत के संघटक मानस भट्टाचार्य विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार नौजवानों को संपूर्ण विकास के, रोजगार के अच्छे अवसर और बेहतर वातावरण देने को वचनबद्ध है। सरकार स्वामी विवेकानंद के पदचिन्हों पर चल कर इस वचनबद्धता को पूरा करने में जुटी है। साथ ही सरकार ने निराश्रितों और असहाय लोगों की मदद के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। बता दें, हर साल स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी, 1863 को कोलकाता में हुआ था। उनके जन्मदिन को भारतभर में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में केवल सिंह पठानिया ने विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी की कांगड़ा शाखा के पदाधिकारियों ने शॉल टोपी एवं स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी कांगड़ा शाखा के अशोक रैना, द्रोणाचार्य एजुकेशन कॉलेज के महा प्रबंधक बलविंद्र पठानिया, रोटरी क्लब शाहपुर अध्यक्ष राजेश राणा, नरेश लगवाल रोटरी क्लब सेक्टरी, मेजर पीसी डोगरा, अश्वनी धीमान, प्रदीप बलोरिया, रमन महाजन, करनैल चौहान, डॉक्टर सुरेश शर्मा, रजत बलोरिया, डॉक्टर कांत लगवाल, प्रिंसीपल शमशेर व द्रोणाचार्य कॉलेज का सभी स्टाफ सहित छात्र-छात्राओं सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
18 से 22 तक आयोजित होगा बैजनाथ शिवरात्रि महोत्सव प्रतिमा राणा। बैजनाथ राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव बैजनाथ का आयोजन 18 से 22 फरवरी काे आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम बैजनाथ सलीम अंजाम की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया। बैठक में मुख्य संसदीय सचिव एवं विधायक बैजनाथ किशोरी लाल विशेष रूप में उपस्थित रहे। सीपीएस किशोरी लाल ने कहा कि बैजनाथ शिवरात्रि महोत्सव अपना पुराना और ऐतिहासिक महत्व है। इस महत्व को बरकरार रखने के लिए शिवरात्रि महोत्सव को अधिक आकर्षक और मनोरंजक बनाया जाएगा, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता को सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने मेले के सफल आयोजन को लेकर महोत्सव समितियों को पुनर्गठित करने के आदेश दिए। उन्होंने महोत्सव के दौरान यातायात सुविधा को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग को चलाने के लिए दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने आयोजन समिति से ऐतिहासिक शिव मंदिर में बढ़िया रूप में हवन का आयोजन करने के निर्देश दिए। किशोरी ने कहा कि बैजनाथ शिवरात्रि महोत्सव सभी का उत्सव है और इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता को सुनिश्चित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर महोत्सव के आयोजन में सभी को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले व्यापारियों को दुकानें भी मुनासिब रेट पर दी जाए, ताकि किसी पर अनावश्यक बोझ न पड़े। सीपीएस ने कहा कि मेले में पूर्व की भांति कुश्तियों के आयोजन तथा किसानों को अपने उत्पाद इत्यादि प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी का आयोजन भी सुनिश्चित बनाने के आदेश दिये। उन्होंने कहा कि महोत्सव में तीनों सांस्कृतिक संध्याओं में प्रसिद्ध और नामी कलाकारों को आमंत्रित किया जाए, ताकि लोगों का भरपूर मनोरंजन हो सके। उन्होंने महोत्सव समिति को सांस्कृतिक संध्याओं में लोक कलाकारों और स्थानीय कलाकारों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश की संस्कृति को भी संरक्षित करने में बल मिले। उन्होंने शीघ्र अध्यक्ष एवं एसडीएम को शुभरात्रि महोत्सव समिति की दूसरी बैठक आमंत्रित करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन महोत्सव समिति के अध्यक्ष सलीम आजम ने बैठक का संचालन किया और कहा कि लोगों के सहयोग से बेहतर तरीके से हो इसे सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने उत्सव से पूर्व कलामंच को सुंदर और बढ़िया बनाने के कार्य को पूर्ण किया जाएगा। बैठक में समिति के सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किेए गए। बैठक में पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव अनुराग शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जम्वाल, डीएसपी एलएम शर्मा सहित महोत्सव समिति के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
विकासखंड इंदौरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहटली में दिनदहाड़े शातिरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने दिनदहाड़े एक घर से सोने के जेवर समेत 72 हज़ार रूपए की नकदी समेत घर के अन्य चीजों पर हाथ साफ किया है। पीड़ित स्वर्ण कुमार ने बताया कि दिनदहाड़े चोरों द्वारा उनके घर से सोने के जेवर समेत 72000 की नकदी चुरा ले गए। उन्होंने कहा कि इसके आलावा अन्य कीमती सामान भी चोर उड़ा ले गए। इस संदर्भ में थाना डमटाल के प्रभारी कल्याण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मुख्य संसदीय सचिव बनने के बाद पहली बार अपने विधायक आशीष बुटेल अपने विधान क्षेत्र पालमपुर पहुंचे। इस दौरान पालमपुर कि जनता द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। बुटेल के स्वागत में सुजानपुर से पालमपुर तक हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। थुरल, दैहण, ठाकुरद्वारा, कालू दी हट्टी, राजपुर, चढ़ियार रोड, पालमपुर शहर जगह जगह फूल मालाओं, ढोल नगाड़ा और आतिशबाजी के साथ लोगों में मिठाई बांटी गई। आशीष बुटेल के परिजन भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अपने पिता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल, माता बीना बुटेल से आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वागत कार्यक्रम में नगम निगम की महापौर पूनम बाली, उपमहापौर अनीश नाग, समस्त पार्षद, कांगड़ा बैंक के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिपहिया, अर्चित बुटेल, इंटक प्रदेश महासचिव सीता राम सैनी, ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष त्रिलोक, करुण शर्मा, आयुक्त नगर निगम डॉ विक्रम महाजन, संयुक्त आयुक्त एस एम सैनी, एसडीएम पालमपुर डॉ अमित गुलेरिया, डीएसपी गुरबचन सिंह, तहसीलदार सार्थक शर्मा सहित विभिन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग तथा पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान सीपीएस आशीष बुटेल ने पालमपुर के लोगों का चुनावों में जन सहयोग देने के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पालमपुर के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में योजनात्मक रूप में विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार में उन्हें मुख्य संसदीय सचिव के रूप में जो महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी गयी है, उसे बखूबी निभाने का प्रयास करेंगे और पालमपुर में विकास की गति को दोगुनी क्षमता से आगे बढ़ाएंगे।
प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी सरकार व्यवस्था परिवर्तन के लिये आयी है। मुख्य संसदीय सचिव एवं बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के धार चढ़ियार की सलेहरा पंचायत में उनके स्वागत के लिए आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार सुशासन की सरकार है। उन्होंने कहा कि गांव की जनता भोली भाली होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता के कार्य जल्दी होने चाहिए, ताकि जनता को बार-बार विभागों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में एक्स-रे तथा अल्ट्रासाउंड सहित स्वास्थ्य सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए वह कृतसंकल्पित हैं। क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा केंद्र खुलवाए जाएंगे ताकि हमारे बच्चे आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा की सलेहरा के लिए जल्दी ही एक और बस की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
धर्मशाला महाविद्यालय इकाई द्वारा स्वामी विवेकानंद फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता में बतौर मुख्यअतिथि आशीष जैन व विशिष्ट अतिथि के तौर पर नवनीत कौशल ने शिरकत की। इकाई अध्यक्ष अभिनव चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता के अंदर 22 टीमें भाग ले रही है। मुख्यअतिथि आशीष जैन ने अपने वक्तव्य में बताया कि विद्यार्थी परिषद युवाओं को बुरी चीजों से दूर रखने के लिए इस प्रकार के अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन करती है। वहीं विशिष्ट अतिथि नवनीत कौशल ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हर वर्ष युवा पखवाड़ा के अंतर्गत पूरे देश भर की विभिन्न इकाइयों में खेलकूद प्रतियोगिताएं करवाती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा नशे की चपेट में आते जा रहे हैं। युवाओं को नशे से बचाने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद युवाओं को खेलों की ओर ले जाने का काम कर रहा है। ताकि खेलों के माध्यम से युवा अपनी सारी ऊर्जा सही दिशा में लगा सके।
मनीष ठाकुर। इंदाैरा कुछ दिनों पहले खालिस्तानी समर्थक पन्नु द्वारा हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भारत जोड़ो यात्रा को लेकर धमकी भरा नोटिस मिला था, जिसके बाद आज इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन को व्हाट्सएप के माध्यम से पन्नू का धमकी भरा वॉइस मैसेज आया है। जैसा कि आप जानते हैं भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी द्वारा चलाई जा रही है, जो कि हिमाचल में 19 तारीख को इंदौरा से होकर गुजरने है। उसको लेकर खालिस्तानी समर्थक पन्नू द्वारा इंदौरा के विधायक को धमकी भरा वॉइस नोट भेजा गया है, जिसमें उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ ना जुड़ने की चेतावनी दी है। पन्नु ने यह भी जाहिर किया कि अगर विधायक इसका पालन नहीं करते, तो उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस संबंध में जब पुलिस जिला नूरपुर के अधीक्षक अशोक रतन से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है और इस मामले का संज्ञान लिया जाएगा। उच्च अधिकारियों से जो भी जानकारी मिलती है, उसका पालन किया जाएगा।
विनायक ठाकुर । परागपुर धरोहर गांव परागपुर में मंगलवार को स्थानीय एसडीएम संकल्प गौतम द्वारा सभी अधिकारियों की एक बैठक बुलाई, जिसका विषय परागपुर में आयोजित लोहड़ी राज्य स्तरीय मेला रहा। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेसी नेता सुरिंदर मनकोटिया ने की, जिसमें इस प्रदेशस्तरीय लोहड़ी मेले की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा इस पर्व को किस तरीके से मनाया जाए, इसको लेकर भी चर्चा की गई। जानकारी देते हुए एसडीएम देहरा संकल्प गौतम ने बताया कि इस बार लोहड़ी का प्रदेश स्तरीय मेला परागपुर में धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं, कार्यक्रम में जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। जिसमें रात को भव्य स्टार नाइट एवं सुबह भी विभिन्न स्कूल के बच्चे अपनी प्रस्तूतियां देंगे। वहीं, सुरिंदर मनकोटिया ने कहा कि इस त्योहार को हम सब मिलकर मनाएंगे। उन्होंने बताया कि नक्की खड्ड में स्टार नाइट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हिमाचल के बड़े-बड़े कलाकर अपनी प्रस्तूति देंगे। इस दौरान डीएसपी ज्वालामुखी चंद्र पाल ,डीएसपी देहरा विशाल वर्मा सहित क्षेत्र के तमाम प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
विनायक ठाकुर । देहरा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर बलाहर में मंगलवार के दिन ज्योतिष विद्या शाखा के सौजन्य से परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दीप कुमार ने बताया कि शास्त्री द्वितीय वर्ष तथा आचार्य द्वितीय वर्ष के छात्रों की 11 तथा 16 जनवरी से सत्रार्द्ध परीक्षा है। इसलिए इस अभियान में शास्त्री प्रथम वर्ष तथा आचार्य प्रथमवर्ष के छात्रों ने भाग लिया स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के द्वितीय उपक्रम में ज्योतिष के छात्रों और शिक्षकों ने परिसर के मुख्य द्वार से बाहर राजमार्ग के दोनों ओर बहुतायत में बिखरे चिप्स आदि के टुकड़े कागज, गत्ता व रैपर पालिबैग को उठाने के साथ-साथ अनावश्यक रूप से उगी कंटीली झाड़ियों वृक्षों के पत्तों की मोटी परत तथा गिरे टूटे कांच के टुकड़ों की सफाई की। विद्या शाखा प्रमुख डॉ, विजेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में ज्योतिष प्राध्यापकों डॉ मनोज श्रीमाल, डॉ. दीप कुमार तथा डॉ. विनोद कुमार ने भी छात्रों के साथ मिलकर सफाई की। अभिषेक निखिल प्रियांशु ओंकार, अजय, अनमोल हर्ष, अरुण, वैभव, अनीश, राधिका, ज्योतिष व विद्या शाखा के लगभग 60 विद्यार्थियों ने प्रातः 10.30 से 12.00 बजे तक परिसर निदेशक प्रो मदन मोहन पाठक के निर्देशन में परिसर स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी ज्वालामुखी से नव निर्वाचित विधायक एवं कांग्रेसी नेता संजय रत्न ने पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण वर्तमान प्रदेश सरकार को 75000 करोड़ रुपए का ऋण सौगात में मिला है। भाजपा सरकार ने लगभग 5000 करोड़ रुपए की वित्तीय देनदारियां भी छोड़ी हैं और ऐसे में भाजपा नेताओं को प्रदेश सरकार के निर्णयों पर टिप्पणी करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। वहीं, उन्होंने भाजपा नेताओं को आधारहीन बयानबाजी से दूर रहने की सलाह दो है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में विधानसभा चुनाव को देखते खोले गए संस्थानों को डी-नोटिफाई करने का मामला भाजपा बार-बार उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी संस्थान बिना किसी दूरगामी सोच और बजट प्रावधानों के बगैर केवल मात्र मतदाताओं को लुभाने के लिए खोले अथवा स्तरोन्नत किए गए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ऐसे सभी संस्थानों को बंद करने और इन सभी की समीक्षा करने का निर्णय लिया है। निर्धारित मापदंडों एवं लोगों की आवश्यकतानुसार प्रदेश सरकार उचित बजट प्रावधान कर इन्हें पुनः खोलने पर निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में विभिन्न बोर्डों और निगमों में अध्यक्ष सहित उपाध्यक्ष को बड़े स्तर पर नियुक्तियां की गई थीं। सभी हारे और नकारे हुए दूसरी पंक्ति के नेताओं को उस समय अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाकर मलाईदार पदों पर सुशोभित किया गया था। राज्य में आय के साधनों का सृजन कर तथा फिजूल खर्च में कटौती कर प्रदेश की बिगड़ी हुई अर्थव्यवस्था को पुन: पटरी पर लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विनायक ठाकुर । देहरा भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा नेहरण पुखर में डीआर पब्लिक स्कूल में मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम शाखा प्रबंधक प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें सह शाखा प्रबंधक प्रवीण, सहायक सचिन कुमार और अभिकर्ता जेड एम क्लब मेम्बर हरजीत सिंह जस्वाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारतीय जीवन बीमा की मुख्य योजना जीवन शान्ति में बढ़ी हुई ब्याज दर के बारे में और भारतीय जीवन बीमा के नई योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
डीसी ने दिए सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला धर्मशाला स्थित शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय के सौंदर्यीकरण तथा निर्माण कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाएगा। शहीद स्मारक और युद्व संग्रहालय के जीर्णोद्धार को लेकर विभिन्न विभागों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने यह बात कही। युद्ध संग्रहालय धर्मशाला में आयोजित इस बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, वन विभाग के साथ सैनिक वेल्फेयर तथा शहीद स्मारक कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी कांगड़ा ने सभी हितधारकों को स्मारक के जीर्णोद्धार के लिए सभी औपचारिकताएं जल्द पूर्ण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। 55 लाख की लागत से हो रहा शहीद स्मारक का जीर्णोद्धार उन्होंने बताया कि लगभग 55 लाख रुपए की लागत से शहीद स्मारक के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। जिसमें प्रथम चरण में लगभग 20 लाख रुपए की लागत से कार्य पूर्ण होने वाला है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही दूसरे चरण में बाकि का कार्य भी तेज गति से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भविषय में भी किसी भी प्रकार के सहयोग के लिए जिला प्रशासन सदैव उपलब्ध रहेगा। सेना के शौर्य और बलिदान को प्रदर्शित करता है युद्ध संग्रहालय उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक के साथ लगता युद्व संग्रहालय सेना के शौर्य और बलिदान को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि इसमें भी सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि युद्ध संग्रहालय में आने वाले लोगों को सेना के शौर्य और युद्ध इतिहास से जुड़ी कर जानकारी मुहैया करवाने के लिए सुविधाएं प्रदान की गई हैं, जिनमें सेना के युद्धों और संघर्षों के साथ ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी चीजों के संग्रह, संरक्षण, व्याख्या और सैन्य साजोसामान की प्रदर्शनी की गई है। उन्होंने बताया कि यहां अलग-अलग घटनाओं और युद्धों के बारे में ऑडियो-वीडियो के माध्यम से भी हिन्दी और अंग्रेजी भाषा में बताया जा रहा है, जिससे यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने साथ एक सेना के शौर्य का जीवंत अनुभव लेकर जाए। उपायुक्त ने कहा कि धर्मशाला में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। उनके साथ-साथ स्थानीय लोग भी युद्ध संग्रहालय के माध्यम से सेना के योगदान को जान सकें, इसके लिए भी प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने इस हेतु संचालकों को रविवार और छुट्टी के दिनों में युद्ध संग्रहालय खुला रखने के साथ इसके समय को शाम 6 बजे तक बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि युद्ध संग्रहालय में सेना और युद्धों से संबंधित बहुत से उपकरण रखे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इसे और आभूषित करने की दृष्टि से आने वाले समय में यहां युद्ध मे उपयोग होने वाले प्राचीन हथियार भी रखे जाएंगे। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा गंधर्वा राठौड़, एसडीएम धर्मशाला शिल्पी बेक्टा, अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति विभाग अनीश ठाकुर, कर्नल केकेएस डढ़वाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
किशोरी के स्वागत में बैजनाथ के लोगों ने बिछाए पलक पावड़े प्रतिमा राणा। बैजनाथ मुख्य संसदीय सचिव एवं बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल का बैजनाथ विधानसभा पधारने पर कांगड़ा के प्रवेश द्वार घट्टा में बैजनाथ प्रशासन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और हलके के लोगों ने ढोल-नगाड़ों से भव्य स्वागत किया। सीपीएस बनने के उपरांत पहली बार बैजनाथ पधारे किशोरी लाल का बैजनाथ के हजारों लोगों ने फूल-मालाओं तथा आतिशबाजी से जोरदार स्वागत किया। बैजनाथ के घट्टा में स्वागत करने वालों में रविंदर बिट्टू, प्रदेश सचिव वीरेंद्र कटोच, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, सलाहकार अनुराग शर्मा, महासचिव, रमेश चड्डा, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता जगदीश राणा, महिला अध्यक्ष जमना गोयल, युथ कांग्रेस अध्यक्ष रविंदर राव, सॉइल मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सेवा दल अध्यक्ष राजेश राणा, एसडीएम सलीम आजम, डीएसपी एलएम शर्मा, तहसीलदार भावना वर्मा सहित बैजनाथ प्रशासन, कांग्रेस कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल ने बैजनाथ के ऐतिहासिक शिव मंदिर शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। किशोरी लाल उपस्थित सभी लोगों को नववर्ष, लोहड़ी तथा मकर सक्रांति शुभकामनाएं दी तथा चुनावों में अपार जनसमर्थन के लिए बैजनाथ की जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को लेकर जनसमर्थन दिया है। उन पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के लाखों लोगों की जन भावनाओं के अनुरूप हलके में तमाम मूलभूत सुविधाओं का सृजन कर आदर्श हलके के रूप में पहचान दिलाई जाएगी।
विनायक ठाकुर । देहरा छठे वेतन आयोग के आधार पर पहली जनवरी 2016 के पश्चात सेवानिवृत्त कर्मियाें-अधिकारियों को आज तक पेंशन संशोधन बकाया राशि न मिलने पर कड़ा अक्रोश पैदा होने लगा है। देहरा तहसील कार्यलय से बतौर नायब तहसील दार अशौक जस्बाल आदि का अरोप है कि इस संबंधी मामले बारे महालेखाकार कार्यालय शिमला में भी शिकायत दर्ज है, लेकिन बादजूद इसके अभी तक एक भी पैसे की अदायगी नहीं हो पाई, जो कि उक्त कर्मियाें अधिकारियों के साथ सरासर धौखा है। वहीं, रिटायर नायब तहसीलदार आदि ने कहा कि पूर्व सरकार ने जनवरी, 2016 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों अधिकारियों को इन मामलों को निपटाने के लिए कोई ध्यान नहीं दिया, जिस कारण उन्हें अब विपक्ष में बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा वर्तमान सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए निवेदन है कि जो पेंशन इस समय उन्हें प्राप्त हो रही है, वह बच्चों की पढ़ाई को देखते हुए बहुत कम है। परिवार का पालन पोषण करने में असमर्थ हैं। कई कर्मियाें-अधिकारियों ने मकान निर्माण के लिए बैंकों से लोन ले रखे हैं, उसकी किशतें भी बैंकों को अदा करने पड़ रही हैं और अपना पैसा सरकार दे नहीं रही है, उल्टा बैंकों को ब्याज अदा करने पढ़ रहे हैं। कई कर्मचारी अधिकारियों ने अभी अपने बच्चों की पढ़ाई व शादियां करनी हैं। सभी कर्मचारियों अधिकारियों को वर्तमान सीएम सुखबिंद्र सिह सुक्खू की सरकार के इलेक्शन घोषणा पत्र के आधार पर बहुत उम्मीदें हैं और आशा करते हैं कि जनवरी 2016 के पश्चात सेवानिवृत्त सभी कर्मचारियों अधिकारियों को पेंशन तुरंत संशोधित करके उन्हें सारी बकाया राशि एकमुश्त प्रदान करने के लिए सरकार शीघ्र उचित कदम उठाएगी।
विनायक ठाकुर । डाडासीबा हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सुबह प्रतिदिन 7:30 बजे के करीब लोगों की सुविधा के लिए डाडासीबा से होशियारपुर रूट पर जा ही थी, लेकिन स्थानीय लोगों की मांग पर उक्त सरकारी बस का रूट आगे जालंधर तक बढ़ा दिया गया था, लेकिन हैरानी की बात तो यह है कि मात्र 5 दिन ही उक्त सरकारी बस जालंधर तक चल पाई, लेकिन यह खुशी ग्रामीणों के लिए 5 दिनों तक ही रही, अब इस बस को डाडासीबा से होशियारपुर तक ही भेजा जा रहा है, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की है कि इस बस को डाडासीबा से जालंधर तक चलाया जाए, ताकि इलाके के लोगों को बस की सुविधा मिल सके। उधर, इस संबंध में देहरा के आरएम कुशल कुमार से बात की गई, ताे उन्होंने बताया उक्त बस को ट्रायल के तौर पर भेजा जा रहा था, शीघ्र ही रूट को बहाल किया जाएगा।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी कथोग स्थित लॉरेट फार्मेसी संस्थान की राष्ट्रीय सेवा योजना और इंस्टीटूशनल इनोवेशन कौंसिल के सौजन्य से राष्ट्रीए स्तरीय डेक्लामेशन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कांगड़ा जिला के लगभग 15 स्कूलों ने भाग लिया। संस्थान के निर्देशक एवं प्रधानाचार्य प्रो.फेसर (डॉ.) एमएस आशावत ने छात्रों को अपने विचारों से स्वामी विवेकानंद और युवा दिवस के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को पुरुस्कार से नवाजा गया, जिसमें लॉरेट ग्लोबल स्कूल के प्रज्ञा दत्त ने पहला स्थान, राजकीय वरिष्ठ माद्यमिक स्कूल भरोली की तम्मना ने दूसरा और राजकीय वरिष्ठ माद्यमिक स्कूल कथोग कि ओजस्वी हांडा तथा वर्षा ने तीसरा स्थान डेक्लामेशन में हासिल किया। लॉरेट फार्मेसी संस्थान के प्रबंध निर्देशक डॉ. रण सिंह और डॉ सीपीएस वर्मा डीन स्टूडेंट वेलफेयर ने छात्रों को बधाई संदेश दिया। इस कार्यक्रम में संस्थान के सह प्रोफेसर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रोग्राम अफसर डॉ. शम्मी जिंदल, शिव कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ संजय तथा फार्मेसी संस्थान के सभी स्टाफ मेंबर मौजूद रहे।
नरेंद्र डाेगरा। जयसिंहपुर हर वर्ष की भांति इस बार भी जयसिंहपुर में स्व. उर्मिला सरोच बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। स्व. उर्मिला सरोच मेमोरियल बास्केटबॉल टूर्नामेंट ऐम अकादमी जयसिंहपुर 10,11 व 12 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है। जिसमें हिमाचल के साथ-साथ दूसरे राज्य की बड़ी-बड़ी टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट का शुभारंभ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल द्वारा किया जाएगा तथा इस टूर्नामेंट के समापन समारोह में जयसिंहपुर विधायक यादविंदर गोमा शिरकत करेंगे। इस टूर्नामेंट के विजेता टीम को 31000 रुपए ट्रॉफि व उप विजेता टीम को 21000 रुपए ट्रॉफि देकर सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी ऐम आकदमी के चेयरमैन राकेश सरोच ने दी।
विनायक ठाकुर । जसवां-परागपुर पुलिस थाना रक्कड़ में होशियार सिंह धीमान एसडीओ बिजली बोर्ड शांतला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि अप्पर कलोहा के पास गांव कलोहा को जाने वाली बिजली की मेन एलटी लाइन से कंडक्टर सहित हजारों रुपए की बिजली की तार कोई अज्ञात व्यक्ति काटकर चुराकर ले गया है, जिस पर पुलिस थाना रक्कड़ में मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ रक्कड़ गुरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी क्षेत्र की समाजसेवी संस्था, लोक कल्याण कमेटी-लुथान की मासिक बैठक का आयाेजन किया गया। कमेटी की बैठक में पंचायत निवासी स्व. त्रिलोक सिंह की पत्नी बबिता को उसकी दोनों बेटियों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने हेतु 3000 की आर्थिक सहयता प्रदान की। यह राशि कमेटी पदाधिकारियों और कार्यकारणी सदस्यों द्वारा लाभार्थी परिवार को सुपुर्द की गई। कमेटी महासचिव सूबेदार मेजर सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि यह संस्था पिछले 6 वर्षों से क्षेत्र के निर्धन परिवारों की बेटियों की पढ़ाई व शादी के अतिरिक्त लोगों की बिमारियों के उपचार व अन्य समस्याओं से निपटने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करती आ रही है। कमेटी ने सभी दानी सज्जनों का भी आभार प्रकट किया, जिनके आशीर्वाद व भरपूर सहयोग से समाज सेवा के लक्ष्य को पूरा किया जा रहा है।
कांग्रेस सरकार ने 6-6 सीपीएस बनाकर सरकारी खजाने पर डाला बोझ विनायक ठाकुर । देहरा भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उद्योग मंत्री ने जारी एक बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार एक के बाद एक जनविरोधी निर्णय जनता पर थोप रही है। उन्होंने कहा- जनता के लिए खोले गए संस्थानों को बंद करना, कर्ज लेने की लिमिट बढ़ाना, डीजल का दाम बढ़ाना, बिना मंत्रालय के तीन को कैबिनेट रैंक देना और कैबिनेट मंत्रियों के अलावा 6 मुख्य संसदीय सचिव बनाना.. क्या यही है कांग्रेस का वो व्यवस्था परिवर्तन जिसका राग हिमाचल की जनता पिछले एक महीने से सुन रही थी। जनता के लिए खोले गए संस्थानों को फिजूलखर्ची बताकर बंद करने वाली कांग्रेस सरकार को हिमाचल के संसाधनों की कितनी चिंता है, वो इस बात से पता चल जाता है कि पहले तो उसने मंत्रिमंडल विस्तार से पहले अपने तीन-तीन चहेतों को कैबिनेट रैंक दे दिया। फिर मंत्रीपद न मिलने से कोई रूठ न जाए इसके लिए 6 सीपीएस बना दिए। पूर्व मंत्री ने सवाल उठाया कि सीपीएस के पास जब कोई शक्तियां ही नहीं हैं, वे किसी तरह का निर्णय ही नहीं ले सकते तो 6-6 सीपीएस बनाकर सरकारी खजाने पर क्यों बोझ डाला रहा है? यही नहीं, मंत्रिमंडल विस्तार से ठीक पहले कांग्रेस की सरकार ने डीजल पर वैट बढ़ाकर इसे तीन रुपए लीटर महंगा कर दिया, जबकि डीजल महंगा होने से हर चीज के दाम बढ़ते हैं। यह दिखाता है कि सरकार को धक्के से चलाने के लिए हो रही फिजूलखर्ची के लिए पैसा जुटाने के लिए कांग्रेस आगे भी जनता को टैक्स और कर्ज के बोझ पर दबाती चली जाएगी। कहा, तो अपने संसाधनों से गारंटियां पूरी करनी थी, मगर अब कर्ज पर कर्ज लिया जा रहा है। 3000 करोड़ रुपए कर्ज लेने की तैयारी की जा रही है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विधानसभा में पहला विधेयक जनता के हित के लिए पेश नहीं किया, बल्कि कर्ज लेने की लिमिट बढ़ाने का बिल पेश किया। इस बिल की तारीफ वही कांग्रेस नेता कर रहे थे, जो हमारी सरकार के दौरान कोरोना संकट से निपटने के लिए लिए गए कर्ज पर भी सवाल उठाते थे। इन सब बातों से साबित होता है कि कांग्रेस के दांत खाने के और, दिखाने के और। पूर्व मंत्री ने कहा कि हम विपक्ष में जरूर हैं, मगर सत्ता में बैठे नेता यह न समझे कि वह जन कल्याण और विकास कार्यों के नाम पर प्रदेश के संसाधनों को फिजूलखर्ची में उड़ा सकते हैं। इस तरह के हर प्रयास का विरोध होगा। सदन के अंदर भी और सदन के बाहर भी। हम आपको व्यवस्था परिवर्तन की आड़ में लूटपाट नहीं मचाने देंगे।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश धबाला ने आज ज्वालामुखी के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता मंत्री और सीपीएस बनने की महत्वाकांक्षा के चलते लोगों से किए चुनावी वायदे भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि जो लोक लुभावने वायदे करके आप सत्ता में आए हैं। उन वायदों को तुरंत पूरा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का एक महीने के बाद गठन तो हो गया, परंतु इसमें शिमला को ही तवज्जों मिली है, जबकि सबसे ज्यादा सीटें कांग्रेस को देने वाले जिला कांगड़ा से घोर अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस सत्ता में आती है, जिला कांगड़ा से अनदेखी होती चली आई है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के तुरंत बाद तेल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से जनता में आक्रोश देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे महंगाई और बढ़ेगी और गरीब लोगों पर मार पड़ेगी। रमेश धवाला ने कहा की जो सीपीएस बनाए गए हैं, उससे जनता पर बोझ पड़ेगा, सरकार एक तरफ कह रही है कि हम व्यवस्था बदलने के लिए आए हैं। उस पर 6 सीपीएस बनाकर सरकार व्यवस्था नहीं बदल रही, बल्कि व्यवस्था को खराब कर रही है। प्रदेश पर हजारों करोड़ रुपए का कर्जा चढ़ा हुआ है और सरकार फिजूलखर्ची में लगी हुई है। सरकार जनता से किए वादे पूरे करें कर्मचारियों को ओपी एस लागू करें महिलाओं को 1500 प्रति माह देने की व्यवस्था करें। उन्हाेंने कहा कि 300 यूनिट बिजली फ्री और 500 का गैस सिलेंडर देने की व्यवस्था करें। किसानों से गोबर और दूध खरीदने की व्यवस्था करें, ताकि लोगों को उसका लाभ मिल सके। इस मौके पर उनके साथ ज्वालामुखी भाजपा के वरिष्ठ नेता गण प्रवीण राणा, विमल चौधरी, रामस्वरूप शास्त्री, जेपी दत्त, अनिल कुमार, विजय मेहता व एसके पठानिया आदि भी उपस्थित थे।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी अंडर-13 और ओपन केटेगरी में एक दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन लॉरेटे ग्लोबल स्कूल कथोग में ज्वाला क्लब द्वारा किया गया। अंडर-13 ओपन वर्ग में लॉरेट ग्लोबल स्कूल कथोग के छात्र आरुष बड़ियाल ने प्रथम, बैजनाथ के आरुष राणा ने द्वितीय और हिम अकादमी हमीरपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-13 गर्ल्स वर्ग में रिज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल चिरगांव शिमला की आरुषि ठाकुर ने प्रथम, डीएवी भरोली की छात्रा मेदिनी जगोत्रा स्कूल ने द्वितीय और लॉरेट ग्लोबल स्कूल की छात्रा खुशबू ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर ओपन वर्ग में राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी के दीक्षित शर्मा ने प्रथम तृतीय स्थान हासिल किया। हिमाचल विश्वविद्यालय शिमला के सुशांत शर्मा ने द्वितीय और राजकीय बरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल ज्वालामुखी के क्लावर सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर गर्ल्स वर्ग में राबमापा बाल ज्वालामुखी की छात्रा अंशिका देवी ने प्रथम, राबमापा जलारी की छात्रा ने द्वितीय और डीएवी देहरा की छात्रा भव्या ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके इलावा लडको के वर्ग में यंगेस्ट प्लेयर का अवार्ड ओमांश, अंडर-8 में आयन जामवाल। वहीं, लड़कियों के वर्ग में यंगेस्ट प्लेयर का अवार्ड सिया धीमान का अवार्ड दिया गया। राबमापा कथोग के अंग्रेजी के प्रवक्ता सतिंद्र भूषण ने विजेताओं को इनाम बांटे उन्होंने कहा कि शतरंज खेलने से बच्चो का मानसिक विकास होता है और प्रत्येक को ये गेम खेलनी चाहिए। टूर्नामेंट का शुभारंभ ज्वाला चैस क्लब के प्रधान रविंद्र शर्मा ने किया था। ज्वाला क्लब के सचिव रवि जगोत्रा ने इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए टूर्नामेंट डारेक्टर डॉ, अंकिता शर्मा का और लॉरेट ग्लोबल स्कूल स्टाफ का धन्यवाद किया। इस टूर्नामेंट में प्रदेश से 112 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस मौके पर ज्वाला चैस क्लब के उप प्रधान संदीप रियालच, खजांची संदीप बहल, सह सचिव जीवन कुमार, चीफ आर्बिटर विकास धीमान व ऑर्बिटर राकेश कुमार उपस्थित रहे।
तिलक राज । कांगड़ा कांगड़ा के तहत पड़ती इच्छी व बगली ग्राम पंचायतें व आसपास के क्षेत्राें में बेसहारा पशु गेहूूं व नकदी फसलों को चट कर रहे हैं। किसान कई बार इस मांग को उठा चुके हैं, लेकिन प्रशासन व विभाग ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। पिछले सप्ताह किसानों ने अपनी फसलों को पहरा देते हुए दस बेसहारा पशुओं को पकड़ा है, इन पशुओं को पूर्व पंचायत उपप्रधान रवि राज व अन्य ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थान पर बांध रखा है। ग्रामीण इन पशुओं को चारा खिला रहे हैं। ग्रामीणों रवि राज, अश्वनी कुमार, प्रवीण कुमार, रुमी लाल, रिंकू, संजय, उत्तम, मनजीत, वीर सिंह, नेत्रपाल, पूनम व प्रेम लता आदि ने कहा कि इन पशुओं की वैटरिनरी अस्पताल के डॉक्टर ने कास्टिंग भी की है। इसका बाकायदा सर्टिफिकेट भी दिया है। अब समस्या यह है कि इन पशुओं को गाैसदन कैसे भेजा जाए। ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग व जिला प्रशासन से मांग उठाई है कि इन पशुओं को गाैसदन भेजा जाए। वे इस बारे में विभाग को अवगत भी करवा चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है। इतना ही नहीं, गांव इच्छी के ग्रामीण मदन लाल, बिक्की सैनी, सुरजीत, विजय, सोनू, नीरज व कश्मीरी आदि को रात के 12 बजे तक अपन-अपने खेतों में इन पशुओं के लिए रात को पहरा देना पड़ रहा है, ताकि गेहूं की फसल को इन बेसहारा पशुओं से बचाया जाए। इस बारे में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक संजीव धीमान ने बताया कि उनके खज्जियां गाैसदन भर चुका है। कुछ काऊ सेंक्चुरी बनकर तैयार हो चुकी हैं। वह किसानों की समस्या जल्द हल करने का प्रयास करेंगे।
विनायक ठाकुर। रक्कड़ पुलिस थाना रक्कड़ के अंतर्गत चामुखा के पास एक स्कूटी (HP55B-5250) रक्कड़ की तरफ से आ रही थी, जिस पर दाे युवक सवार थे। गांव चामुखा के पास स्कूटी चालक बस को ओवरटेक करने लगा, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकरा गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी चालक मौके से भाग गया तथा स्थानीय लोगों द्वारा स्कूटी के पीछे बैठे घायल युवक को एम्बूलेंस के माध्यम से उपचार के लिए नादौन अस्पताल भेजा गया। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी रक्कड़ गुरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शूरू कर दी है।
प्रदेश की सुक्खू सरकार ने छः मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्ति की है। कुल्लू सदर से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, रोहड़ू से विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, दून से विधायक राम कुमार चौधरी, पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल, बैजनाथ से विधायक किशोरी लाल और अर्की से विधायक संजय अवस्थी को सरकार ने मुख्य संसदीय सचिव बनाया है। इनमें से सूंदर सिंह ठाकुर, आशीष बुटेल और राम कुमार चौधरी को मंत्री पद की दौड़ में भी माना जा रहा था, लेकिन इन्हें सरकार ने मुख्य संसदीय सचिव बनाया है। रविवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी 6 विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सुंदर सिंह ठाकुर : दूसरी बार बने है विधायक 57 वर्षीय सुंदर सिंह ठाकुर लगातार दूसरी बार कुल्लू सदर सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे है। सुंदर सिंह ने पंजाब विश्वविद्यालय से बीएससी (मेडिकल) और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से विधि स्नातक (एलएलबी) की उपाधि प्राप्त की। ठाकुर बागवानी एवं होटल व्यवसाय से जुड़े हैं। सूंदर सिंह ठाकुर ने वर्ष 1985-86 में हिमसा चंडीगढ़ के संगठन सचिव के रूप में कार्य किया। इसके उपरांत वर्ष 1989-91 तक हिमाचल प्रदेश एनएसयूआई के उपाध्यक्ष, 1991 में पंचायत समिति सदस्य, वर्ष 1991-94 तक पंचायत समिति कुल्लू के अध्यक्ष, वर्ष 1994-99 तक जिला परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष रहे। वर्ष 2009-2012 तक हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के राज्य प्रतिनिधि तथा वर्ष 2012 से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव पद पर रहे। ठाकुर ने 2003-08 तक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा वर्ष 2013 से 2017 तक हिमाचल प्रदेश खेल परिषद के सदस्य के रूप में कार्य किया। सुंदर सिंह दिसंबर 2017 में 13वीं विधानसभा के लिए बतौर विधायक चुने गए और जनरल डेवलपमेंट एंड सबोर्डिनेट लेजिस्लेशन कमेटी के सदस्य रहे। दिसंबर 2022 में यह 14वीं विधानसभा के लिए पुनः विधायक के रूप में चुने गए। मोहन लाल ब्राक्टा : लगातार तीसरी बार बने विधायक 57 वर्षीय मोहन लाल ब्राक्टा ने विधि स्नातक की शिक्षा ग्रहण की है और एक अधिवक्ता के तौर पर सक्रिय रहे हैं। ब्राक्टा वर्ष 2012 में पहली बार राज्य विधानसभा के लिए चुने गए। वर्ष 2013 से 2017 तक इन्होंने प्राक्कलन, ग्राम नियोजन, सार्वजनिक उपक्रम, कल्याण, विशेषाधिकार एवं नीति समितियों के सदस्य के रूप में कार्य किया। इसके बाद 2017 में 13वीं विधानसभा के लिए यह पुनः निर्वाचित हुए और कल्याण, नियम एवं ई-गवर्नेंस व सामान्य मामले समितियों के सदस्य रहे। दिसंबर 2022 में 14वीं विधानसभा के लिए यह पुनः बतौर विधायक चुने गए है। मोहन लाल ब्राक्टा को होली लॉज खेमे का माना जाता है। राम कुमार चौधरी : मंत्री पद की दौड़ में थे शामिल राम कुमार चौधरी को सियासत विरासत में मिली है। उनके पिता लज्जा राम कई बार विधायक और मुख्य संसदीय सचिव रहे है। राम कुमार चौधरी ने लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है और रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े हैं। राम कुमार चौधरी हरिपुर संदोली ग्राम सुधार सभा के अध्यक्ष रहे हैं। इसके अतिरिक्त चौधरी वर्ष 1993-95 में प्रदेश एनएसयूआई के महासचिव, वर्ष 2003 में राज्य युवा कांग्रेस के महासचिव तथा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के वर्तमान में महासचिव हैं। वर्ष 2006 से 2011 तक यह जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रहे। यह दिसंबर 2012 में पहली बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए बतौर विधायक चुने गए। दिसंबर 2022 में 14वीं विधानसभा के लिए पुनः विधायक चुने गए है। आशीष बुटेल : शांता कुमार के गृह क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत किया पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री बृज बिहारी लाल बुटेल के सुुपुत्र आशीष बुटेल दूसरी बार पालमपुर से विधायक बने है। पालमपुर भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार का गृह क्षेत्र है और यहाँ से बुटेल ने दोनों मर्तबा भाजपा के दिग्गज नेताओं को हराया है। 2017 में उन्होंने इंदु गोस्वामी को हराया था और इस बार भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर को हराया है। बुटेल ने सिम्बोयसिस कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय पुणे से वाणिज्य स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। आशीष बुटेल को वर्ष 2011 से 2013 तक लोकसभा युवा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं। वह वर्ष 2014 से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हैं। वह वर्ष 2017 में पहली बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए तथा प्राक्कलन एवं ग्रामीण योजना समितियों के सदस्य रहे। वह दिसम्बर, 2022 में 14वीं विधानसभा के लिए पुनः निर्वाचित हुए। आशीष बुटेल जिला कांगड़ा बॉस्केटबाल संघ के भी अध्यक्ष हैं। उनकी सामाजिक कार्यों तथा अध्ययन में विशेष रूचि है। किशोरी लाल : बैजनाथ से दूसरी बार बने है विधायक किशोरी लाल जिला कांगड़ा के बैजनाथ से दूसरी बार विधायक बने है। वह पांच बार पंचायत प्रधान तथा उप-प्रधान रहे हैं। वह ब्लॉक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव, जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य भी रहे हैं। किशोरी लाल दिसम्बर, 2012 में प्रथम बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए तथा दिसम्बर, 2022 में पुनः विधायक के रूप में चुने गए हैं। बैजनाथ पंडित संत राम की कर्मभूमि रही है और इसी सीट से उनके पुत्र सुधीर शर्मा भी दो बार विधायक बने है। ये सीट आरक्षित होने बाद यहाँ से कांग्रेस ने किशोरी लाल को चेहरा बनाया और वे तीन में से दो चुनाव जीतने में सफल रहे। संजय अवस्थी : क्रिकेट के मैदान से सियासी मैदान तक पहुंचे अवस्थी 57 वर्षीय संजय अवस्थी अर्की से दूसरी बार विधायक बने है। अवस्थी को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का करीबी माना जाता है। संजय अवस्थी वर्ष 1996 से 2006 तक जिला क्रिकेट संघ सोलन के अध्यक्ष तथा वर्ष 2000 से 2005 तक नगर परिषद सोलन के पार्षद रहे। वह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य है। संजय अवस्थी 30 अक्टूबर, 2021 को विधानसभा उप-चुनाव में प्रथम बार विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए तथा दिसम्बर, 2022 में 14वीं विधानसभा के लिए पुनः निर्वाचित हुए। संजय अवस्थी ने रणजी ट्रॉफी राष्ट्रीय क्रिकेट चैम्पियनशिप में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया है।
तिलक राज। कांगड़ा जागोरी रूरल चैरिटेबल ट्रस्ट ने किसान भवन ईच्छी में परंपरागत खाने को लेकर फ़ूड फेस्टिवल का आयोजन किया। इस फेस्टिवल में कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. संजय और डॉ. नीतू, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता, इच्छी स्कूल के छात्र-छात्राओं, स्कूली अध्यापकों और समुदाय से किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों और छात्र-छात्रओं को पुराने खाने और मोटे अनाज के फ़ायदों के बारे में जागरूक किया। इस कार्यक्रम में लोग अपने साथ पुराना खाना जैसे लुगड़ी का खट्टा, मंडल की रोटी, शिरा, राई के पकोड़े, गुलगुले, चावल के आटे की रोटी और साग बना कर लाए थे। डॉ. संजय ने लोगो को जानकारी देते हुए बताया की 2023 वर्ष अंतराष्ट्रीय milt ईयर घोषित किया गया है। इसलिए इस वर्ष लोगों को मोटे अनाज उगाना चाहिए। क्योंकि मोटे अनाज में पोषक तत्व अधिक मात्रा में पाए जाते हैं। इस कार्यक्रम में समुदाय और स्कूल से कुल 103 लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में स्कूली अध्यापकों और संजय ने जागोरी संस्था का धन्यवाद किया कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करवा कर लोगों को पुराने खाने और मोटे अनाज के महत्व के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के बेटे है। महज 28 साल की उम्र में विक्रमादित्य सिंह 2017 में पहली बार शिमला ग्रामीण सीट से विधायक बने थे। इस बार विक्रमादित्य सिंह दूसरी बार विधायक बने है और अब 33 साल की उम्र में मंत्री भी बन गए है। अलबत्ता विक्रमादित्य सिंह को सियासत विरासत में मिली है लेकिन वे हिमाचल प्रदेश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से है। अमूमन प्रदेश के हर निर्वाचन क्षेत्र में उनके समर्थक है और वे बीते चुनाव में कोंग्रस के स्टार प्रचारक भी थे। विक्रमादित्य ने इतिहास में स्नातक उपाधि सेंट स्टीफनज महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय से प्राप्त की। विक्रमादित्य 2013 से 2018 तक हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह के मंत्री बनने के बाद उनके समर्थकों में ख़ासा उत्साह है और होली लॉज में एक बार फिर दिवाली सा माहौल है। गौरतलब है कि उनकी माता और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी सीएम पद की दौड़ में थी लेकिन पार्टी ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम बनाया। इसके बाद होली लॉज समर्थकों में निराशा थी लेकिन अब विक्रमादित्य सिंह के मंत्री बनने से फिर नए उत्साह का संचार हुआ है।
1977 में चौधरी चंद्र कुमार ने अपना पहला चुनाव निर्दलीय लड़ा था। तब ज्वाली सीट का नाम था गुलेर, जो 2008 के परिसीमन के बाद ज्वाली पड़ा। अपना पहला चुनाव चौधरी चंद्र कुमार हार गए और सियासत से दूरी बनाकर शिमला के सेंट बीड्स कॉलेज में पढ़ाने लगे, लेकिन चंद्र कुमार सियासत से अधिक समय तक दूरी नहीं बना पाए और नौकरी छोड़ कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए और फिर सियासत में एंट्री की। 1982 से 2003 तक हुए 6 विधानसभा चुनावों में सिर्फ 1990 को छोड़कर पांच बार चौधरी चंद्र कुमार को जीत मिली। इस दौरान वे वीरभद्र सिंह के करीबी रहे और मंत्री भी रहे। उनके कद को देखते हुए पार्टी ने उन्हें 2004 में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़वाया और वे लोकसभा पहुंच गए। फिर 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने एक बार फिर चौधरी चंद्र कुमार को मैदान में उतारा लेकिन वे भाजपा के अर्जुन सिंह से हार गए। इस बार चंद्र कुमार फिर मैदान में थे और जीत दर्ज करने में कामयाब भी रहे। चंद्र कुमार प्रदेश के सबसे बड़े जिला काँगड़ा से संबंध रखते है। कहते है जिला कांगड़ा प्रदेश की सत्ता का रास्ता प्रशस्त करता है और इस बार कांग्रेस को जिला में 10 सीटों पर जीत मिली है। काँगड़ा में ओबीसी फैक्टर का भी खासा प्रभाव देखने को मिलता है और चंद्र कुमार काँगड़ा का बड़ा ओबीसी चेहरा है। ऐसे में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को देखते हुए भी चंद्र कुमार का मंत्रीपद तय माना जा रहा था। अब सुक्खू कैबिनेट में चंद्र कुमार का नाम शामिल हो चूका है और जिला काँगड़ा को भी मंत्री पद मिल चूका है। चंद्र कुमार कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भी है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला कांगड़ा जिला प्रशासन जिले में बेहतर आपदा प्रबंधन के लिए भू-स्खलन संभावित क्षेत्रों में घटना से पहले चेतावनी उपलब्ध कराने को चार जगहों पर पूर्व चेतावनी यंत्र लगाने जा रहा है। आईआईटी मंडी द्वारा विकसित यह प्रणाली भू-स्खलन की पूर्व चेतावनी देने में बेहद कारगर है। उपायुक्त डॉ. निपुण ने बताया कि भू-स्खलन पूर्व चेतावनी यंत्र धर्मशाला के मैकलोडगंज रोड़ और चोला इंद्रुनाग तथा शाहपुर के डिब्बा और रूलेहड़ में लगाए जाने हैं। इस कार्य को इसी महीने में पूरा कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा ने आईआईटी मंडी के साथ मिलकर जिला में 10 जगहों पर भू-स्खलन पूर्व चेतावनी यंत्र लगाने का करार किया है। यह कार्य तीन चरणों में किया जाना है। पहले चरण में धर्मशाला उपमंडल के मैकलोडगंज रोड और जयसिंहपुर उपमंडल के संधोल में यह यंत्र लगाए गए हैं। दोनों जगहों पर यह ठीक तरीके से कार्य कर रहे हैं। दूसरे चरण में अब धर्मशाला और शाहपुर की चार जगहों पर भू-स्खलन पूर्व चेतावनी यंत्र लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद, आईआईटी मंडी के विशेषज्ञों की एक टीम तीसरे चरण में लगाए जाने वाले चार यंत्रों के लिए सर्वे कर भू-स्खलन संभावित क्षेत्रों को चिन्हित करेगी। तीनों चरण मार्च 2023 से पहले पूरे कर लिए जाएंगे।
मनीष ठाकुर । इंदाैरा नूरपुर जिला पुलिस की टीम में एसपी अशोक रतन की शिरकत में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में महत्वपूर्ण सफलता पाने में कामयाबी पाई है। नूरपुर जिला पुलिस टीम द्वारा नशे के तस्करों पर दोबारा शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। उपमंडल इंदौरा की पुलिस थाना डमटाल में छापेमारी के दौरान राजकुमार व सुनीता देवी निवासी गांव वार्ड डाकघर छन्नी तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के घर से 55.82 ग्राम चिट्ठा व 39400 रुपए की नकदी बरामद की है, जिस पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21,29-61-85 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत करके दोनों को पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी राजकुमार पहले भी नशे के कारोबार में संलिप्त रह चुका है तथा पुलिस थाना त्रिकूटा नगर जम्मू में एनडीपीएस एक्ट के अभियोग के चलते वर्ष 2019 में अम्कला जेल जम्मू में बंद था। आरोपी राज कुमार 03.01.2023 कोई मेडिकल ग्राउंड पर एक महीने की अंतरिम जमानत पर रिहा होकर आया था, वह दोबारा नशे का कारोबार कर रहा है। नूरपुर पुलिस ने नाशे के अवैध कारोबार की सूचना मिलते ही आरोपी राजकुमार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आरंभ कर दी है। पुलिस जिला नुरपुर के अधीक्षक अशोक रतन का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है, देर शाम पुलिस रिमांड के लिए इसको पेश किया जाएगा।
मनीष ठाकुर । इंदाैरा नेहरू युवा केंद्र धर्मशाला के सौजन्य से शनिवार को दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता इंदौरा ब्लॉक की पंचायत लोधवां गांव में विक्सन स्कूल के मैदान में करवाई गई। बैडमिंटन प्रतियोगिता में नूरपुर की टीम विजेता और लोधवां टीम उपविजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता में राजा का तालाब को हराकर लोधवां की टीम चैंपियन बनी। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बसा की टीम ने फाइनल मुकाबले में लोधवां की टीम को हराया। प्रतियोगिता में पंचायत प्रधान तिलक बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। पंचायत प्रधान को बीडीसी सदस्य विकास चंबियाल ने सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अंत में उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा स्थानीय तालाब मैदान में आयोजित पांच दिवसीय श्री कृष्ण कथा का समापन हो गया। अंतिम दिवस कथा पंडाल में श्री कृष्ण रुक्मणी विवाहोत्सव बहुत ही धूम धाम से मनाया गया। संस्थान की ओर से आशुतोष महाराज के शिष्य कथा व्यास स्वामी विज्ञानानंद ने बताया कि श्री कृष्ण रुक्मणी विवाहोत्सव तात्विक रूप से जीवात्मा से परमात्मा के मिलन का उत्सव है। श्रीमद्भागवत गीता की रहस्यात्मक विवेचना करते हुए स्वामी ने बताया कि योग योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण की श्री मद भगवद् गीता कर्म की सार्थकता को पूर्णतः सिद्ध करती है। उन्होंने कहा कि जीवन और समाज की अज्ञानता, अनैतिकता और भ्रष्टाचार का हरण हो सकता है। जिससे सुदृढ़ राष्ट्र का निर्माण होता है। इस दौरान भंडारे का आयोजन भी किया गया था।
कांगड़ा जिला प्रशासन जिले में बेहतर आपदा प्रबंधन के लिए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में घटना से पहले चेतावनी उपलब्ध कराने को चार जगहों पर पूर्व चेतावनी यंत्र लगाने जा रहा है। आईआईटी मंडी द्वारा विकसित यह प्रणाली भूस्खलन की पूर्व चेतावनी देने में बेहद कारगर है। उपायुक्त डॉ. निपुण ने बताया कि भूस्खलन पूर्व चेतावनी यंत्र धर्मशाला के मैकलोडगंज रोड़, चोला इंद्रुनाग, शाहपुर के डिब्बा और रूलेहड़ में लगाए जाने हैं। इस कार्य को इसी महीने में पूरा कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा ने आईआईटी मंडी के साथ मिलकर जिले में 10 जगहों पर भूस्खलन पूर्व चेतावनी यंत्र लगाने का करार किया है। यह कार्य तीन चरणों में किया जाना है। पहले चरण में धर्मशाला उपमंडल के मैकलोडगंज रोड़ और जयसिंहपुर उपमंडल के संधोल में यह यंत्र लगाए गए हैं। दोनों जगहों पर यह ठीक तरीके से कार्य कर रहे हैं। दूसरे चरण में अब धर्मशाला और शाहपुर की चार जगहों पर भूस्खलन पूर्व चेतावनी यंत्र लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद, आईआईटी मंडी के विशेषज्ञों की एक टीम तीसरे चरण में लगाए जाने वाले चार यंत्रों के लिए सर्वे कर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों को चिन्हित करेगी। तीनों चरण मार्च 2023 से पहले पूरे कर लिए जाएंगे।
जिला कांगड़ा में धुंध और कोहरे के बढ़ते प्रकोप के मध्यनज़र डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने जिला कांगड़ा के 7 उपमंडलों में सभी सरकारी और निजी स्कूल सुबह 10 बजे से खोलने के आदेश जारी किये है। यह आदेश 8 से 31 जनवरी तक लागू रहेंगे। डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि लगातार गिरते तापमान से जिले के 7 उपमंडलों जिनमें ज्वालामुखी, इंदौरा, फतेहपुर, नूरपुर, ज्वाली, देहरा और जयसिंहपुर शामिल है, में बढ़ती धुंध और कोहरे के कारण परिस्थितियां विकट हुई हैं। यह ध्यान में आया है कि इन उपमंडलों में घने कोहरे के कारण सुबह के समय में सड़क पर विजिबिलिटी बुहत कम हो गई है, जिस कारण बच्चों का सुबह 9 बजे स्कूल पहुंचना कठिन हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए जिले के 7 उपमंडलों में स्कूल खुलने का समय सुबह 9 की बजाय 10 बजे किया गया है। शिक्षा विभाग के उच्च व प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशकों को स्कूल खुलने की टाइमिंग के अनुरूप ही सायं को स्कूल बंद करने का समय तय करने को कहा गया है।
प्रदेश में लंबे समय से बारिश ना होने के कारण मैदानी इलाकों में धुंध के कारण जहां ठंड का कोहराम बढ़ गया है, वहीं दूसरी तरफ इसका असर फसलों पर भी देखने को मिल रहा है। बारिश ना होने के कारण गेहूं की फसल खराब होने की कगार पर है | लगातार 15 दिनों से इलाके में धूंध पड रही हैं, जिसके कारण इलाके में ठंड काफी बढ़ गई है। धुंध रहने के कारण भी गेहूं व सब्जी की फसल पर असर पड़ रहा है। किसानों को बारिश न होने के कारण गेहूं की फसल को बचाने के लिए मोटर से पानी लगाना पड़ रहा है, जिसमें की काफी खर्चा आता है। किसानों का कहना है कि कई दिनों से इलाके में बारिश ना होने के कारण उन्हें मोटर से फसल को बचाने के लिए पानी लगाना पड़ रहा है। छोटे किसानों का कहना है कि बड़े जमींदारों को तो मोटर से पानी लगाने में ज्यादा समस्या नहीं आती किंतु छोटे किसानों को काफी खर्चा उठाना पड़ता है। उनका कहना कि यदि समय रहते बारिश नहीं हुई तो उन्हें काफी नुक्सान झेलना पड़ेगा ।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ने जानकारी दी है कि शिक्षा का अधिकार 2009 के अंतर्गत पहली से आठवीं कक्षा वाले सभी निजी स्कूलों के लिए हिमाचल प्रदेश प्रारंभिक शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त करना अनिवार्य है, जिसके लिए जिला के सभी निजी स्कूलों के लिए शैक्षणिक सत्र 2023- 24 की मान्यता एवम नवीनीकरण प्रक्रिया संबंधी शेड्यूल जारी कर दिया गया है, जिसके तहत सभी निजी स्कूल संबंधित शिक्षा खंड के लिए निर्धारित तिथि को ही संपूर्ण दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। यह प्रक्रिया 6 से 27 फरवरी तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि जिन निजी शिक्षण संस्थानों की मान्यता को 5 एवं 1 वर्ष का समय पूर्ण हो चुका है, उन्हें नई मान्यता प्राप्ति के लिए आवेदन करना अनिवार्य होगा। पहली से पांचवी कक्षा तक के सभी निजी प्राथमिक विद्यालय को अपने आवेदन संबंधित खंड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में निर्धारित तिथि को जमा करवाने होंगे, जबकि पहली से आठवीं कक्षा वाले स्कूलों स्कूलों को अपने आवेदन उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा स्थित धर्मशाला के कार्यालय में सम्पूर्ण दस्तावेजों के साथ निर्धारित शुल्क के साथ तय तिथि को जमा करवाने होंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षा खंड इंदौरा के तहत आने वाले स्कूल 6 फरवरी, फतेहपुर 7 फरवरी, नूरपुर व कोटला 8 फरवरी, ज्वाली 9 फरवरी, राजा का तालाब 10 फरवरी, रैत व नगरोटा सूरियां 13 फरवरी को अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं, जबकि कांगड़ा शिक्षा खंड के तहत आने वाले स्कूल 14 फरवरी, नगरोटा बगवां 15 फरवरी, धर्मशाला 16 फरवरी, डाडासीबा 17 फरवरी, भवारना 20 फरवरी, लंबागांव 21 फरवरी, पंचरुखी व चढ़ियार 22 फरवरी, बैजनाथ 23 फरवरी, पालमपुर 24 फरवरी, रक्कड़ 25 फरवरी तथा देहरा शिक्षा खंड के निजी स्कूल 27 फरवरी को संपूर्ण दस्तावेजों सहित आवेदन कर सकते हैं। मान्यता प्रक्रिया संबंधित जानकारी कार्यालय की वेबसाइट www.ddee.org.in पर भी उपलब्ध है। इस बारे अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष 01892- 223155 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हरोली विधानसभा क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज धर्मशाला में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से भंेट की और उन्हें प्रदेश का प्रथम उप-मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री से अन्य प्रतिनिधिमंडलों ने भी भेंट कर बधाई दी। उन्होंने प्रतिनिधिमंडलों से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र और समाज के हर वर्ग का सर्वागींण विकास सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विधानसभा चुनाव-2022 में कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई सभी गारंटियों का चरणबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने गई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। गरीब और जरूरतमंद बच्चों को वांछित उच्च शिक्षा के लिए समुचित आर्थिक सहायता राशि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वर्तमान राज्य सरकार ने 101 करोड़ रुपए का मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष के गठन का निर्णय लिया है।
मल्टी स्पेशयलिटी कैंप में बीपी, शूगर, ईसीजी टैस्ट एवं दवाइयां मुफ्त तिलक राज। कांगड़ा फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा 8 जनवरी (रविवार) को राणा अस्पताल धमेटा फतेहपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर रहा है, जिसमें फोर्टिस कांगड़ा के स्पेशलिस्ट डॉक्टर क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श देने के लिए उपलब्ध रहेंगे। फोर्टिस जनसेवा अभियान के तहत इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में फोर्टिस अस्पताल के ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ सयद, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ निशा मुंजाल, सर्जरी रोग विशेषज्ञ डॉ गौरव गुप्ता एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ फैज एहमद अपनी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे। इस स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के लिए ईसीजी, शुगर एवं बीपी आदि के टैस्ट की निःशुल्क सुविधा के साथ-साथ दवाइयां भी निःशुल्क वितरीत की जाएंगी। इस संबंध में फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा के डायरेक्टर अमन सोलोमन ने बताया कि इस मेडिकल कैंप में फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा के विशेषज्ञों द्वारा क्षेत्रवासियों के लिए बेहतरीन चिकित्सा परामर्श उपलब्ध करवाया जाएगा। निःशुल्क मल्टी स्पेशयलिटी कैंप के बारे में अधिक जानकारी व पंजीकरण हेतु 9459416786 (गौरव मेहरा), 7889144290 (प्रवीन राठौर) एवं हेल्पलाइन 98165-98166 पर संपर्क करें।
फर्स्ट वर्डिक्ट। इंदाैरा दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा स्थानीय तालाब मैदान में आयोजित पांच दिवसीय श्री कृष्ण कथा के आज तृतीय दिवस संस्थान की ओर से श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य कथा व्यास स्वामी विज्ञानानंद ने कथा बांचते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की अनेक लीलाओं में से एक लीला है- गोवर्धन लीला। यह लीला हमारे भारत वर्ष की गगै-माता के महत्व को दर्शाता है। गोवर्धन का अर्थ है, गाै का संवर्धन। हमारी भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। क्योंकि वह अपने दूध के द्वारा जीवन भर हमारा पोषण करती है। गाै साक्षात कामधेनु के समान है। उससे प्राप्त पंचगव्य दूध, दही, घी, गोबर, गोमूत्र अनेक रोगों का समूल नाश करते हैं। गाय का दूध स्मरण शक्ति तीक्ष्ण करता है, जबकि भैंस के दूध में वसा ज्यादा होने से यह कोलेस्ट्रॉल बनाता है, जिससे हृदय रोग होते हैं। गाय के दूध में विटामिन-ए और डी होता है, जो आंखों की रोशनी के लिए लाभकारी है। यदि त्वचा जल जाए, तो गाय का घी एक बढ़िया क्रीम या एंटीसेप्टिक दवा का काम करती है। स्वामी जी ने बताया कि गाय के गोबर में लक्ष्मी और मूत्र में गंगा का वास होता है, जबकि आयुर्वेद के क्षेत्र में गौमूत्र अर्क का रासायनिक विश्लेषण करने पर वैज्ञानिकों ने पाया कि इसमें 24 ऐसे तत्व हैं, जिनके सेवन से कैंसर, एड्स इत्यादि 450 से अधिक असाध्य रोग भी ठीक हो जाते हैं। गाय के ताजे गोबर से टीबी व मलेरिया के कीटाणु मर जाते हैं, जो लोग नियमित रूप से थोड़े से गौमूत्र का भी सेवन करते हैं, उनकी रोग प्रतिरोधी क्षमता बढ़ जाती है। मौसम परिवर्तन के समय होने वाली कई बीमारियां दूर ही रहती हैं। शरीर स्वस्थ और ऊर्जावान बना रहता है। वैदिक ऋषि मुनियों ने गोमूत्र को गंगा जल की तरह पवित्र माना है। देसी गाय के बहुत से लाभ हैं, परंतु दुर्भाग्यवश आज हम उन्हें खोते जा रहे हैं। संस्थान ने देसी गायों के संवर्धन एवं संरक्षण के लिए कामधेनु नामक एक प्रकल्प चलाया है। कथा को विराम प्रभु की पावन आरती द्वारा दिया गया।
पंकज सिंगटा। धर्मशाला राज्य स्वास्थ्य समिति (नेशनल हैल्थ मिशन) अनुबंध कर्मचारी संघ हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रेस सचिव राज महाजन ने धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रदेशभर में लगभग 2400 कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज तक किसी भी सरकार द्वारा इन कर्मचारियों के लिए नियमतिकरण की कोई स्थाई नीति नहीं बनाई गई है, राज महाजन ने बताया कि प्रदेश में नवनियुक्त सरकार का गठन हुआ है, जिसकी कमान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने संभाली है, उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संघ हिमाच प्रदेश के पदाधिकारी चुनाव से पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्नीहोत्री को भी मिले थे, जिसमें उन्होंने संघ को इन कर्मचारियों के लिए स्थाई नीति बनाने का भरोसा भी संघ को दिया था। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संघ की नवगठित कार्यकारिणी हाल ही में मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को सरकार बनने के बाद शिमला भी मिल चुकी है, जिसमें संघ को सरकार द्वारा जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा दिलाया गया है। उन्होंने बताया की चार तारीख से धर्मशाला में सरकार पहला शीतकालीन सत्र चल रहा है, जिसमें विधायकों को शपथ भी दिलाई जा चुकी है। इसी कड़ी में संघ ने एक बार पुनः मुख्यमंत्री को धर्मशाला में सम्मानित कर इन कर्मचारियों के अंधकारमय जीवन में नियमतिकरण की मांग को पूरा कर उजाला लाने का आग्रह किया है। राज महाजन ने बताया कि विभिन्न पदों पर कार्यरत ये कर्मचारी शैक्षणिक एवं तकनीकी तौर पर सक्षम हैं एवं विभाग और सरकार में पूर्व में बहुत बार राष्ट्रीय स्तर पर पुरष्कृत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग में रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य करने वाले इन कर्मचारियों ने चाहे वो कोरोना जैसी वैश्विक महामारी का समय हो या क्षय रोग उन्मूलन का कार्यक्रम या स्कूल में पढ़ रहे बच्चों के स्वास्थ्य जांचने का जिम्मा अपना योगदान शत प्रतिशत दिया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू नायक फिल्म के मुख्यमंत्री की तरह बहुत ही प्रत्यक्ष और अच्छे निर्णय ले रहे हैं, जिससे इन कर्मचारियों में वर्षों से लंबित पड़ी मांग को पूरा होने का भी शत प्रतिशत उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को ओपीएस देने का जो वादा किया था, वो भी सरकार पहली कैबिनेट में रखने जा रही है, जो सच में कर्मचारी हितैषी होने का बहुत बड़ा परिमाण है। उन्होंने सरकार से करबद्ध प्रार्थना की है कि सरकार इन कर्मचारियों को नियमतिकरण की स्थाई नीति बनाकर राहत प्रदान करें, ये 2400 परिवार सरकार के हमेशा ऋणी रहेंगे। इस मौके पर जिला कांगड़ा के अध्यक्ष बख्शीश सिंह एवं महा सचिव विशाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला के खनियारा में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि न्यायमूर्ति महाजन सच्चे देशभक्त थे और जब भी हम इस प्रतिमा को देखेंगे, राष्ट्र के प्रति इनके योगदान को स्मरण करेंगे। मुझे आशा है कि हम इनकी विरासत से प्रेरित होंगे।’ उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि राज्य का सपूत प्रदेश के गठन से पूर्व ही देश के एक उच्च पद पर आसीन हुआ। मुख्यमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में न्यायमूर्ति महाजन के अतुलनीय योगदान का स्मरण किया और उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि न्यायमूर्ति महाजन को तत्कालीन जम्मू-कश्मीर का प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। उन्होंने अक्तूबर 1947 में जम्मू-कश्मीर के भारत विलय में अग्रणी भूमिका निभाई थी। उन्हें भारत और पाकिस्तान की सीमाओं का निर्धारण करने के लिए नियुक्त रेडक्लिफ कमीशन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा नामित किया गया था। मुख्यमंत्री ने न्यायमूर्ति महाजन द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस विरासत को उनके पोते विवेक महाजन ने सीआईआई-एमसीएम बहु-कौशल प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से आगे बढ़ाया है। यह संस्थान धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति महाजन एक सच्चे देशभक्त थे और यह प्रतिमा हमें उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए में प्रेरित करेगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में लगभग 6000 निराश्रित बच्चे हैं और मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के उपरांत पहले ही दिन उन्होंने टूटीकंडी स्थित बालिका देखभाल संस्थान का दौरा कर इसकी कार्यप्रणाली की स्वयं जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सरकार ने बाल देखभाल संस्थानों, नारी सेवा सदन, शक्ति सदन और वृद्धाश्रमों के आवासियों को त्यौहारों के अवसर पर 500 रुपए उत्सव अनुदान के रूप में देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 101 करोड़ रुपए की धनराशि से ‘मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष’ स्थापित करने का निर्णय लिया है, ताकि जरूरतमंद बच्चों और निराश्रित महिलाओं को उच्च शिक्षा की सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसे बच्चों के कौशल विकास, उच्च शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर होने वाले व्यय को वहन करेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस फंड में अपना एक माह का वेतन प्रदान किया है और कांग्रेस के अन्य विधायक भी अपना एक महीने का वेतन देंगे। विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री का उनके गृह क्षेत्र में स्वागत किया। न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन के पौत्र विवेक महाजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें ट्रस्ट द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव तजिंदर बिट्टू, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
बैंकों की जिला स्तरीय समीक्षा समिति की तिमाही बैठक हुई आयाेजित फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला जिला कांगड़ा के बैंकों की जिला स्तरीय समीक्षा समिति की सितंबर 2022 तिमाही की बैठक का आयोजन 3 जनवरी को किया गया। बैठक का संचालन मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक कुलदीप कुमार कौशल ने किया। बैठक की मुख्यातिथि गंधर्वा राठौर एडीसी उपस्थित रही। बैठक में पंजाब नैशनल बैंक के धर्मशाला मंडल के उपमंडल प्रमुख राजेंद्र कुमार, अरुण खन्ना डीडीएम नाबार्ड, भारतीय रिज़र्व बैंक से यश वर्मा एलडीओ आरबीआई तथा सभी प्रमुख बैंकों के समन्वयक तथा विभिन्न सरकारी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे। राजेंद्र कुमार उपमंडल प्रमुख, पंजाब नैशनल बैंक धर्मशाला ने अपने संबाेधन में बताया कि कांगड़ा जिला के बैंकों ने वार्षिक ऋण योजना 2022-23, सितंबर तिमाही 2022 के अंतर्गत 2894 करोड़ के एवज में 3000 करोड़ वितरित किए। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में विभिन्न बैंकों के पास लोगों के 35095 करोड़ जमा है तथा जिला के सभी बैंक अब तक लोगों को 8422 करोड़ के ऋण 2022 तक दे चुके हैं। यश वर्मा एलडीओ आरबीआई जिला कांगड़ा ने सभी बैंकों की उपलब्धियों पर चर्चा की तथा साथ ही सभी बैंकों को उनके लक्ष्य पूरा करने को कहा। उन्होंने जिला के सभी विभागों से मिल-जुलकर कार्य करने के लिए कहा, जिससे जिला में विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाई जा सकें। उन्होंने जमा ऋण अनुपात की कमी पर चिंता व्यक्त की तथा सभी बैंकों को दिशा-निर्देश दिए कि वह चालू जमा अनुपात को बढ़ाएं और उन्होंने बैंको को ग्राहकों के प्रति सवेदनशीलता दिखाने के लिए कहा। अतिरिक्त उपायुक्त ने कुछ बैंकों की कृषि क्षेत्र तथा प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में बहुत ही कम या नाम मात्र प्रदर्शन पर रोष व्यक्त किया तथा उन्हें सख्ती से हिदायत देते हुए कहा की इन क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा ऋण किया जाए। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई के जिला में काम कर रहे कुछ प्राइवेट बैंक सिर्फ जमा राशी ही ले रहे हैं तथा जिला में ऋण नहीं दे रहे, जबकि उनके पास जिला के सरकारी विभागों का बहुत-सा धन जमा है, परंतु उसका लाभ ऋण के रूप में जिला के लोगों को नहीं दिया जा रहा। उन्होंने इन सभी प्राइवेट बैंकों को चेतावनी देते हुए कहा की ये बैंक जल्द से जल्द ऋण देने पर काम करें, वरना जो भी सरकारी धन इनके पास जमा है, उसे निकाल लिया जाएगा। इस मौके पर गंधर्वा राठौर अतिरिक्त उपायुक्त ने विभिन्न बैंक स्कीमों के प्रतिजागरूकता अभियान आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। अध्यक्ष ने सरकार द्वारा चलाई गई सभी योजनाओं के अंर्गत अपूर्ण ऋण मामलों का जल्द से जल्द निवारण करने का आदेश दिया। इस अवसर पर प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत आने वाले किसानो को केसीसी, पीएमएसबीवाई, पीएमजेजेबीवाई व एपीवाई से जोड़ने हेतु चलाए गए अभियान की समीक्षा की गई तथा सभी बैंकर साथियों से इस अभियान को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक किसानो को इन योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि किसान अधिक से अधिक लाभ उठा सकें तथा अपनी आय में वृद्धि कर सकें। अग्रणी जिला प्रबंधक ने सभी बैंकों को जिला के कृषि क्षेत्र के उत्थान के लिए किसानों को अधिक से अधिक आर्थिक मदद देने के लिए कहा। डीडीएम नाबार्ड सम्भाव्य्तायुक्त ऋण योजना वर्ष 2023-24 , 639368 लाख ऋण क्षमता का आलांकन तैयार जिसका विमोचन गंधर्वा राठौर अतिरिक्त उपायुक्त के हाथों से करवाया गया। डीडीएम नाबार्ड ने एफ़पीओ स्कीम में एक जिला एक उत्पाद तथा कृषि अवसंरच्ना कोश के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। जिला अग्रणी मुख्य प्रबंधक कुलदीप कुमार कौशल ने मुख्यमंत्री स्वावलंवन तथा छोटे सड़क विक्रेताओं तथा रेहड़ी-फहड़ी वालों के लिए चलाई गई प्रधानमंत्री स्वा निधि स्कीम के अंतर्गत अधिक से अधिक ऋण करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर भारतीय रिज़र्व बैंक से यश वर्मा, एलडीओ आरबीआई ने कृषि क्षेत्र तथा प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र की स्तिथि पर चिंता व्यक्त की और इन क्षेत्रों में अधिक से अधिक ऋण देने तथा किसानो की आय में वृधि किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने बैंकों के अधीन काम करने वाले बैंक मित्र जो की निष्क्रिय हैं, उन्हें सक्रीय किया जाए या फिर उनके स्थान पर नए बैंक मित्र को नियुक्त किया जाए, ताकि जो क्षेत्र बैंक सुविधाओं से अवांछित हैं, उन्हें इन बैंक मित्रों द्वारा बैंकिंग सुविधएं दी जा सकें। सभा में सेल्फ हेल्प ग्रुप के प्रोत्साहन तथा उन्हें बैंक ऋण मुहैया कराने पर भी जोर दिया गया। अध्यक्ष ने इस मीटिंग का जिला की प्रगति में अहम भूमिका होने तथा सभी बैंकों ओर संबंधित सरकारी विभागों को इसमें उपस्थित होना अनिवार्य बताया। अतिरिक्त उपायुक्त जिला ने अपने संबाेधन में बैंकों को अधिक से अधिक वित्तीय जागरूकता कैंप आयोजित करने, कृषि ऋण की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए तथा बैंको को चालू जमा अनुपात जो की इस समय 24.00 प्रतिशत है बढ़ाने के दिशा निर्देश दिए। कुलदीप कौशल ने जिला में गेहूं ओर मक्का की खेती के साथ अन्य फसलों के उत्पादन तथा इन फसलों के लिए बैंक ऋण देने पर जोर दिया। क्योंकि इन फसलों द्वारा किसानो की आय में वृधि के साथ जिला में कृषि ऋण को भी काफी बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने हर वर्ष कृषि विभाग द्वारा फसलों पर दिए जाने वाले ऋण की सीमा तय करने वाले वित पैमाने में सुधार की अपील की। साथ हि साथ कुलदीप कौशल ने जिला के राजस्व विभाग में लंबित बैंकों द्वारा प्रस्तुत मामलों के जल्द निपटारे के लिए अतिरिक्त उपायुक्त से अपील की। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में इस तरह के मामलों का जल्द निपटारा न होना भी एक कारण है, जिसकी वजह से ऋण आवेदकों को समय पर ऋण उपलब्ध नहीं हो पाता, जिसके कारण लोगों में बैंकों के प्रति उदासीनता बढ़ती है और साथ हि साथ बैंकों की ऋण देने के क्षमता तथा ऋण जमा अनुपात घटता है, जो की जिले की प्रगति में एक बहुत बड़ा बाधक है। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अंत जिला अग्रणी मुख्य प्रबंधक शकुलदीप कुमार कौशल ने अतिरिक्त उपायुक्त, विभिन सरकारी विभागों से उपस्थित प्रतिनिधियों तथा सभी बैंकों से उपस्थित जिला समन्वयकों का धन्यबाद किया। इसी के साथ उन्होंने सभी अधिकारियों की तरफ से अतिरिक्त उपायुक्त को आश्वासन दिया की चालू जमा अनुपात, कृषि ऋण तथा प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र की स्तिथि को सुधारने का पूरा-पूरा प्रयास करेंगे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। कांगड़ा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के पालमपुर में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के आवास पर उनसे भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। धर्मशाला से पालमपुर आगमन के दौरान मुख्यमंत्री का न्यूगल खड्ड पुल पर पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के पक्ष में नारे लगाए और उन पर फूल बरसाए। शांता कुमार ने मुख्यमंत्री को विवेकानंद ट्रस्ट पालमपुर आने का निमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, विधायक आशीष बुटेल, यादविंदर गोमा, संजय अवस्थी और सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
50 प्रतिशत लोगों को मिल चुकी तीसरी डोज़ की भी सुरक्षा, घबराने की नहीं कोई आवश्यकता फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने आज जारी एक बयान में बताया कि कांगड़ा जिला की शत प्रतिशत आबादी कोरोना की दोनों डोज के साथ वैक्सीनेटिड है। वहीं, लगभग 50 प्रतिश लोगों ने एहतियाती डोज (तीसरी डोज़) भी लगवा ली है। इसलिए किसी को भी इसे लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि विश्व भर में कोरोना को लेकर उभरी स्थितियों से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं और सारी सावधानियां बरती जा रही हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना से निपटने के लिए जिला में प्रशासन द्वारा पहले भी सभी प्रबंध किये गये थे और भविष्य में किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की पूरी तैयारी है। उन्होंने बताया कि ज़िले में वर्तमान में कोरोना के केवल दो ऐक्टिव मामले हैं और उनमें भी कोई गंभीर लक्षण नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एहतियाती डोज़ के लिए प्रशासन ने प्रदेश व केंद्र सरकार को रिक्वायरमेंट भेज दी है और इसकी उपलब्धता भी ज़िले में जल्द हो जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि जिले में 13 लाख 73 हजार 471 लागों को पहली डोज लगाई गई है जबकि लक्षित आबादी 13 लाख 60 हजार 441 थी। उन्होंने बताया कि वहीं 13 लाख 34 हजार 119 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। सीएमओ ने बताया जिला में लगभग 50 प्रतिशत लोगों को ऐहतियातन डोज भी लगा दी गई है, जिनकी संख्या 5 लाख 76 हजार 169 है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने जिला में कोविड संबंधी हर प्रकार की आपात स्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने बुधवार को विधानसभा सत्र के दौरान पद व गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ के बाद नवनियुक्त विधायक ने कहा कि जनता की उम्मीदों के अनुसार अब विधानसभा क्षेत्र में कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री जिला से हैं और उन्हें हमीरपुर विधानसभा समेत पूरे जिला की समस्याओं व लोगों की जरूरतों का पता है। इसलिए सरकार के साथ मिलकर विधानसभा क्षेत्र का विकास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर की जनता के आशीर्वाद के चलते ही वह विधानसभा पहुंचे हैं, जिसके लिए वे तमाम जनता के आभारी हैं। जल्द ही लोगों के बीच में पहुंचकर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।


















































