अमृतसर समेत पंजाब के कुछ हिस्सों में सोमवार तड़के 3 बजकर 42 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता 4.1 रिक्टर स्केल की मांपी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र पाकिस्तान के पंजाब में था। भूकंप की गहराई 120 किलोमीटर बताई गई। इससे पहले, नेपाल में शनिवार को 5.4 तीव्रता का भूकंप आने के कारण इसके झटके दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से लेकर उत्तराखंड तक महसूस किए गये। यह भूकंप उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से 101 किलोमीटर पूर्व -दक्षिण-पूर्व में में आया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बाली रवाना होने से पहले कहा कि भारत वसुधैव कुटुम्बकम के मूल्यों को लेकर चलेगा। दरअसल, भारत एक दिसंबर से जी-20 समूह की अध्यक्षता करेगा। इंडोनेशिया प्रधानमंत्री मोदी को जी-20 की अध्यक्षता सौंपी जाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की जी-20 अध्यक्षता 'वसुधैव कुटुम्बकम' थीम पर आधारित होगी। पीएम मोदी ने कहा, ''हमारे देश और नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण में, इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो बाली शिखर सम्मेलन के समापन समारोह में भारत को जी-20 की अध्यक्षता सौंपेंगे। भारत आधिकारिक तौर पर 1 दिसंबर को जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण करेगा। मैं अगले साल होने वाले शिखर सम्मेलन के लिए सभी जी-20 सदस्यों को अपनी ओर से व्यक्तिगत निमंत्रण दूंगा। ''
देश में आज से 5वीं वंदे भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है। आज दक्षिण भारत को पहली वंदे भारत ट्रेन मिली है। शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री मोदी ने केएसआर रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। बता दें कि 5वीं वंदे भारत ट्रेन बेंगलुरु से चलकर मैसूर से होते हुए चेन्नई जाएगी। बता दें कि अब दक्षिण भारत के बीच बड़े शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक अब चेन्नई और बेंगलुरु के बीच का सफर बहुत कम समय में पूरा किया जा सकता है। फिलहाल बेंगलुरु और चेन्नई के बीच शताब्दी एक्सप्रेस, डबल डेकर, चेन्नई मेल और चेन्नई मेल जैसी कई ट्रेनें चल रही है। वहीं वंदे भारत की बात करें तो यह ट्रेन 160 किलोमीटर की अधिकतम स्पीड से चल सकती है। ट्रेन के शेड्यूल की बात करें तो यह ट्रेन (20607) चेन्नई से मैसूरु 5 बजकर 50 मिनट पर चलेगी। इसके बाद यह 10.20 मिनट बेंगलुरु सिटी जंक्शन पहुंचेगी और फिर वहां से 5 मिनट बाद मैसुरु के लिए रवाना हो जाएगी और 12.20 पर यह यात्रियों को मैसेज पहुंचा देगी। वहीं बेंगलुरु से 14.50 को चलकर यह ट्रेन 19.30 मिनट पर यह चेन्नई पहुंच जाएगी
हिमाचल प्रदेश के बीते कई चुनावों पर निगाह डाले तो अक्सर बगावत का दंश भाजपा से ज्यादा कांग्रेस पर भारी पड़ता आया है। पर इस बार के विधानसभा चुनाव में बगावत ने भाजपा का सुकून उड़ाया हुआ है। प्रदेश में 68 विधानसभा सीटें है और एक चौथाई से भी ज्यादा सीटों पर भाजपा के बागी मैदान में है। ये आँकड़ा ये समझने के लिए काफी है कि भाजपा का चुनाव प्रबंधन हर बार की तरह सटीक नहीं रहा है। सवाल टिकट आवंटन पर भी उठ रहे है। बगावत की आग से पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का गृह जिला भी अछूता नहीं है। ये हालत तब है जब पार्टी नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तक कई उम्मीदवारों को मनाने में कामयाब रही, अन्यथा स्थिति और ज्यादा बिगड़ सकती थी। बहरहाल इस बगावत का चुनावी नतीजों पर क्या असर पड़ता है ये तो आठ दिसम्बर को ही पता चलेगा, पर फिलवक्त पार्टी डैमेज कंट्रोल कर रिवाज बदलने के अपने दावे पर कायम जरूर है। विदित रहे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 5 नवंबर को सोलन और सुंदरनगर की जनसभाओं में ये कह चुके है कि प्रत्याशी को देख कर नहीं बल्कि कमल का फूल देखकर वोट करें। जाहिर है इसका असर भी नाराज समर्थकों-कार्यकर्ताओं पर पड़ सकता है। पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मोर्चा संभाले हुए है और बगावत की आग के बावजूद भाजपा मिशन रिपीट का दावा कर रही है। बिलासपुर : सुभाष शर्मा भाजपा ने यहाँ से त्रिलोक जम्वाल को टिकट दिया है। सुभाष ठाकुर का टिकट काटा गया है। भाजपा सुभाष ठाकुर को मनाने में तो कामयाब रही, लेकिन टिकट के एक अन्य दावेदार सुभाष शर्मा निर्दलीय चुनाव लड़ रहे है। झंडूता : राजकुमार कौंडल भाजपा ने मौजूदा विधायक जीतराम कटवाल को ही फिर टिकट दिया है। नाराज होकर पूर्व विधायक रिखी राम कौंडल के बेटे राजकुमार कौंडल चुनावी मैदान में है। मंडी : प्रवीण शर्मा पंडित सुखराम के पुत्र और वर्तमान विधायक अनिल शर्मा मंडी सदर सीट से भाजपा उम्मीदवार है। वहीँ टिकट के दावेदार रहे प्रवीण शर्मा ने बगावत कर दी है। प्रवीण के साथ काफी नेता-कार्यकर्ता भी है जिससे भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती है। सुंदरनगर : अभिषेक ठाकुर पूर्व विधायक रूप सिंह के पुत्र अभिषेक यहाँ से भाजपा के बागी है। पार्टी ने फिर मौजूदा विधायक राकेश जम्वाल को टिकट दिया है। फतेहपुर : कृपाल परमार फतेहपुर फ़तेह करने की राह में भाजपा के लिए कृपाल परमार सबसे बड़ा रोड़ा है। भाजपा ने मंत्री और नूरपुर से मौजूदा विद्याक राकेश पठानिया को यहाँ से टिकट दिया है जिससे नाराज हकार पूर्व प्रत्याशी कृपाल परमार ने बगावत कर दी है। पिछले चार चुनाव भाजपा यहाँ से हारी है। इंदौरा : मनोहर धीमान 2017 में भाजपा ने तब निर्दलीय विधायक रहे मनोहर धीमान को पार्टी में शामिल तो किया लेकिन टिकट नहीं दिया। तब मनोहर धीमान को मना लिया गया लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो पाया। पार्टी ने रीता धीमान को टिकट दिया है जिसके बाद मनोहर ने बगावत कर दी है। शाहपुर : पंकु कांगडिया मंत्री सरवीण चौधरी के खिलाफ युवा नेता पंकु कांगडिया ने बगावत कर दी है और चुनावी मैदान में है। एंटी इंकम्बैंसी के साथ -साथ बगावत ने शाहपुर में सरवीण की मुश्किलें निश्चित तौर पर बढ़ाई है और इस बार यहाँ दिलचस्प मुकाबला तय है। कांगड़ा : कुलभाष चौधरी कांग्रेस से भाजपा में आए पवन काजल के विरोध में यहाँ से कुलभाष चौधरी ने बगावत का एलान कर दिया और निर्दलीय मैदान में है। धर्मशाला : विपिन नेहरिया दल बदल कर भाजपा में पहुंचे राकेश चौधरी को पार्टी ने टिकट दिया, जबकि मौजूदा विधायक विशाल नेहरिया का टिकट काट दिया गया। विशाल नेहरिया तो बागी नहीं हुए लेकिन पार्टी के एक अन्य नेता विपिन नेहरिया ने बगावत का बिगुल फेंक दिया और चुनावी मैदान में है। देहरा : होशियार सिंह 2017 में बतौर निर्दलीय जीते होशियार सिंह कुछ माह पूर्व ही भाजपा में शामिल हुए लेकिन भाजपा ने उनका टिकट काट दिया। अब दोनों की राह फिर जुदा हो चुकी है और होशियार सिंह भी चुनाव लड़ रहे है। ख़ास बात ये है कि पार्टी ने यहाँ से ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला को मैदान में उतारा है। नालागढ़ : केएल ठाकुर कांग्रेस से बीते दिनों भाजपा में आएं मौजूदा विधायक लखविंद्र राणा को यहाँ से पार्टी ने टिकट दिया है। इसके चलते पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने बगावत कर दी और निर्दलीय चुनाव लड़ रहे है। ठाकुर बीते पांच साल लगातार सक्रिय रहे, बावजूद इसके पार्टी ने कांग्रेस से आएं लखविंदर राणा को टिकट दिया। खफा होकर कई कार्यकर्ता और समर्थक भी केएल के साथ हो लिए है। किन्नौर : तेजवंत नेगी भाजपा ने यहां से सूरत नेगी को टिकट दिया है। पूर्व विधायक तेजवंत नेगी पिछला चुनाव महज 120 वोट से हारे थे, बावजूद इसके उन्हें मौका नहीं मिला। खफा होकर तेजवंत ने बगावत कर दी। आनी : किशोरी लाल मौजूदा विधायक किशोरी लाल का टिकट यहाँ से भाजपा ने काटा है। अब किशोरी लाल निर्दलीय चुनाव लड़ रहे है। बंजार : हितेश्वर सिंह बंजार से भाजपा ने मौजूदा विधायक पर फिर से दाव खेला है। इसके बाद टिकट के चाहवान हितेश्वर सिंह ने बगावत का ऐलान कर दिया। हितेश्वर सिंह भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश्वर सिंह के बेटे है। उनके बागी चुनाव लड़ने के चलते पार्टी ने कुल्लू सीट से महेश्वर सिंह का टिकट भी अंतिम समय में बदल दिया। कुल्लू : राम सिंह भाजपा ने अंतिम समय में महेश्वर सिंह का टिकट बदलकर नरोत्तम ठाकुर को दिया है। इसके बाद महेश्वर सिंह ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया। पार्टी महेश्वर सिंह को मनाने में जुटी रही और मना भी लिया गया, लेकिन एक अन्य कद्दावर नेता राम सिंह मैदान में उतर गए और अब चुनाव लड़ रहे है। चम्बा सदर : इंदिरा कपूर यहाँ से पार्टी ने पहले इंदिरा कपूर को टिकट दिया लेकिन मौजूदा विधायक पवन नय्यर की नाराजगी के चलते अंतिम समय में उनकी पत्नी नीलम नय्यर को टिकट थमा दिया। इसके बाद इंदिरा कपूर अब निर्दलीय चुनाव लड़ रही है। हमीरपुर : नरेश दर्जी नरेश दर्जी हमीरपुर से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे है और माना जा रहा है कि वे भाजपा के वोटों में ज़्यादा सेंध लगा सकते है। दर्जी की मौजूदगी ने इस चुनाव को रोचक बना दिया है। बड़सर : संजीव शर्मा भाजपा ने बड़सर से पूर्व प्रत्याशी बलदेव शर्मा की पत्नी माया शर्मा को टिकट दिया है। दरअसल यहाँ से भाजपा नेता राकेश शर्मा बबली भी टिकट के उम्मीदवार थे, किन्तु कुछ समय पहले उनका दुखद निधन हो गया। उनके निधन के उपरांत उनके भाई और भाजपा नेता संजीव शर्मा ने टिकट पर दावा जताया, लेकिन पार्टी ने माया शर्मा को मौका दिया। भोरंज : पवन कुमार पवन कुमार पूर्व में भाजयुमो भोरंज के मीडिया प्रभारी रह चुके हैं, लेकिन भाजपा से टिकट न मिलने के कारण इस बार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। पवन कुमार वर्तमान में समीरपुर वार्ड से जिला परिषद सदस्य हैं, इससे पूर्व भोरंज वार्ड से जिला परिषद सदस्य और दो बार अलग-अलग वार्डों से पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं। पार्टी ने भोरंज से अनिल धीमान को टिकट दिया है।
विद्युत परिषद पेंशनर्ज कल्याण एसोसिएशन सब इकाई कुनिहार की त्रैमासिक बैठक कुनिहार तालाब रेस्टोरेंट में इकाई अध्यक्ष डीआर चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इकाई अध्यक्ष डीआर चौहान व सचिव पीआर कश्यप ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में पेंशनरो के कई मुद्दों पर चर्चा की गई । जिसमें 1 जनवरी 2016 के बाद विद्युत परिषद से सेवा निवृत्त पेंशनरो की अभी तक संसोधित वेतनमान से पे-फिक्सेशन नही की गई है। पेंशनरों कोक इसका इंतज़ार करते हुए लगभग 5 महीने से ज्यादा का समय हो गया है। वहीं दूसरी ओर अभी तक विद्युत परिषद द्वारा घोषित 20 फीसदी एरियर की पहली किश्त अक्तुबर माह की पेंशन के साथ नही दी गई, जिससे की समस्त सेवानिवृत्त कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। बैठक में डी आर चौहान, पी आर कश्यप, जगदीश चन्देल, प्रेम अग्रवाल, प्रभुराम चौधरी, कामेश्वर तनवर, मेहर चन्द तनवर, राम स्वरूप ठाकुर, नन्द लाल कंवर, जोगिंदर सिंह, अतर सिंह, प्रेम लाल शर्मा आदि सदस्य मौजूद रहे।
विधानसभा चुनाव प्रचार के अभियान के तहत कांग्रेस प्रत्याशी अजय महाजन लगातार नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे हैं और भाजपा की नाकामियों पर जमकर हमला बोल रहे हैं। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के चुनावी मैदान में चुनावी हलचल प्रतिदिन ज़ोर पकड़ रही है। गौरतलब है कि भाजपा के पूर्व विधायक राकेश पठानिया को नूरपुर से टिकट ना मिलने के बाद और निक्का को भाजपा प्रत्याशी घोषित करने के पश्चात् नूरपुर विधानसभा से बड़ी मात्रा में कट्टर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का समर्थन कांग्रेस की ओर बनता नजर आ रहा है। बीते दिनों में चुनाव प्रचार अभियान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी अजय महाजन के साथ अनेकों परिवार और लोग भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़े हैं। वहीँ दूसरी ओर सुखार, सुलियली, जोंटा पंचायत, गांव नियाड़, लोहरपुरा, डन्नी उन अनेकों पंचायतों और गांव में से हैं जहां लगातार भाजपा समर्थक कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। अजय महाजन रणबीर सिंह निक्का के खोकले वादों पर और भरपूर धनबल के उपयोग पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कच्चे मकानों के मालिकों को मुद्रित पर्ची बांटने और विधानसभा चुनाव जीतने पर उन्हें पक्के मकान देने का वादा करने के लिए भाजपा प्रत्याशी रणबीर निक्का पे भी सवाल किया। अजय महाजन ने विश्वास जताया नूरपुर के मतदाता इस तरह के चुनावी हथकंडों के झांसे में आने वाले नही हैं और आने वाले समय में विरोधियों को उनके घमंड का जवाब भी नूरपुर की जनता देगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुंदरनगर के ज्वाहर ग्राउंड में जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने मंडी आना था, लेकिन बारिश की वजह से नहीं आ पाए थे। इसके लिए उन्होंने लोगों से क्षमा मांगी। उन्होंने स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता के निधन पर शोक जताया। इससे पहले PM महाराणा प्रताप चौक से ज्वाहर पार्क तक रोड शो निकाला। लोगों ने PM फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने गाड़ी में बैठे-बैठे लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। पीएम ने कहा कि देवभूमि से मेरा नाता इतने निकट रहा है की यहां आना बहुत होता था। निहरी की चढ़ाई भी चढ़ी है। कांगड़ा, मंडी, शिकारी की पहाड़ी भी पैदल मापी है। बीबीएमबी झील कैसे भूल सकता हूं। जब भी यहां आता तो चाय पीता था। दुकानदारों से गपशप मारता था। ठाकुर गंगा सिंह, दिले राम, दामोदर जी से बहुत कुछ सीखा। देश के पहले मतदाता श्याम सरण नेगी के निधन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 106 वर्षीय श्याम सरण नेगी ने 30 से ज्यादा बार मतदान किया था। दुनिया को अलविदा कहने से पहले भी उन्होंने वोट डालकर अपना कर्तव्य निभाया। श्याम सरण नेगी ने दो दिन पहले ही अपना कर्तव्य निभाया और पोस्टल बैलेट से मतदान किया। हर देशवासी, युवाओं और हर नागरिक को सदा सर्वदा उनसे प्रेरित होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि भावुक मन से श्याम सरण नेगी को श्रद्धाजंलि देता हूं और परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि 12 नवंबर को पड़ने वाला वोट अगले 25 साल की विकास यात्रा तय करेगा। नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि विरोधियों ने 5-5 साल में सरकार बदलने की बात आप लोगों के दिमाग में भर रखी है। इससे हिमाचल का आपका नुकसान हो रहा है। पीएम ने कहा कि आप अगर सरकार से जवाबदेही चाहते है, तो हिमाचल में भाजपा सरकार को दोबारा मौका दीजिए। उन्होंने कहा कि अगर आपने यहां ऐसे लोगों को बिठा दिया जो आगे ही न बढ़ने दें, तो काम में रुकावट आएंगी। कांग्रेस ने अपने शासन में हिमाचल का जितना नुकसान किया है, उसकी भरपाई के लिए भाजपा को बार बार जिताना जरूरी है।
देश के पहले मतदाता श्याम शरण नेगी का जन्म 1917 को किन्नौर जिला के कल्पा गांव में हुआ। 106 साल के श्याम शरण अपने पुश्तैनी गांव में रहते हैं। 1940 से 1946 तक वन विभाग में गार्ड की नौकरी की। उसके बाद शिक्षा विभाग में चले गए और कल्पा लोअर मिडिल स्कूल में अध्यापक बने। देश में 1952 में पहला लोकसभा चुनाव हुआ। लेकिन किन्नौर में भारी हिमपात के चलते 6 महीने पहले अक्टूबर 1951 में ही चुनाव हो गए। पहले चुनाव के समय श्याम शरण किन्नौर के मूरंग स्कूल में अध्यापक थे। चुनाव करवाने में उनकी ड्यूटी लगी थी, लेकिन वोट डालने का इतना शौक था और ड्यूटी शोंगठोंग के मुरंग में थी और वोट कल्पा में डालना था तो उन्होंने सुबह-सुबह वोट देकर ड्यूटी पर जाने की इजाजत मांगी। सुबह-सुबह ही वह अपने मतदान स्थल पर पहुंच गए। 6:15 बजे मतदान पार्टी पहुंची। नेगी ने जल्दी मतदान करवाने का निवेदन किया। मतदान पार्टी ने रजिस्टर खोल कर उन्हें पर्ची दी। मतदान करते ही इतिहास बन गया और श्याम शरण नेगी आजाद भारत के पहले मतदाता बन गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके नेगी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने श्याम सरन नेगी की सराहना की और उन्हें देश के लोकतंत्र को मजबूत करने की एक अहम कड़ी बताया। उन्होंने लिखा कि नेगी का वोट डालने के प्रति उत्साह हमारे युवा मतदाताओं को प्रोत्साहित करता है। वहीं सुंदरनगर में अपने सम्बोधन के दौरान भी पीएम मोदी ने श्याम सरन नेगी को याद किया। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी भारत के पहले मतदाता श्याम सरन नेगी को श्रद्धांजलि दी।
भारत के पहले वोटर रहे श्याम सरन नेगी अपने अंतिम सफर पर निकल गए हैं। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर शोंगठोंग स्थित सतलुज किनारे श्यमशान घाट तक ले जाया गया। जहां पर होमगार्ड बैंड बजाकर राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई। इस दौरान किन्नौर पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। नेगी के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में लोग शामिल हुए। वहीं, चुनाव ऑब्जर्वर, उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक, SP विवेक चहल, SDM कल्पा शशांक गुप्ता सहित प्रशासन की टीम यात्रा में शामिल हुई और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं श्याम सरन नेगी के परिवार को सांत्वना देने के लिए केंद्रीय मुख्य चुनाव आयुक्त करीब 4 बजे किन्नौर पहुंचेंगे। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के निवासी 106 वर्षीय वयोवृद्ध श्याम सरन नेगी ने शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।
भारत के पहले वोटर रहे श्याम सरन नेगी दुनिया को अलविदा कह दिया। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के निवासी 106 वर्षीय श्याम सरन नेगी ने शनिवार को अंतिम साँस ली। आजादी के बाद भारत में 1951-52 में जब पहले आम चुनाव हुए थे तो श्याम सरन नेगी ने ही उसमें सबसे पहले मतदान किया था। वहीं इस बार भी वह दुनिया से जाने से पहले भी अपना फर्ज अदा करके गए। जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन ने कहा कि हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 के लिए नेगी ने पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डालने की इच्छा जताई थी, लेकिन तबियत खराब होने के कारण उनके घर पर ही पोस्टल बैलट पेपर से मतदान करवाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुलिस बैंड और पूरे राजकीय सम्मान के साथ नेगी को अंतिम विदाई दी जाएगी।
मोरबी के केबल पुल पर हुए हादसे को लेकर एक बड़ी कार्रवाई हुई है। मोरबी में हुए पुल हादसे के बाद वहां के नगरपालिका के चीफ अफसर संदीप सिंह झाला को सस्पेंड कर दिया गया है। इस मामले को लेकर पुलिस ने उनसे पूछताछ भी की थी। संदीप सिंह झाला से लगभग 4 घंटे तक पूछताछ की गई। यह कार्रवाई नगर विकास विभाग की ओर से की गई है। इस हादसे को लेकर पुलिस ने पहले ही 9 लोगों को अरेस्ट किया था। अरेस्ट किए गए लोगों में पुल के मरम्मत करने वाली ओरेवा कंपनी के मैनेजर दीपक भाई नवीनचंद्र भाई पारेख (44), एक और मैनेजर नवीन भाई मनसुख भाई दवे, टिकट क्लर्क मनसुख भाई वालजी भाई टोपिया(59), एक और टिकट क्लर्क मदनभाई लाखा भाई सोलंकी, ब्रिज रिपेयरिंग कॉन्ट्रेक्टर प्रकाशभाई लालजी भाई परमार और एक और कॉन्ट्रेक्टर देवांग भाई लालजी भाई परमार (31) और साथ ही सिक्योरिटी गार्ड अल्पेशभाई, दिलीपभाई और मुकेश भाई शामिल हैं।
भारत में कोरोना संक्रमण का कहर अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड के 1216 नए मामले सामने आए और 18 संक्रमितों ने अपनी जान गंवा दी। अब कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4 करोड़ 46 लाख 58 हजार 365 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 1591 मरीज ठीक भी हुए। इसी के साथ कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 15 हजार 705 रह गई। देश में अब तक करीब 220 करोड़ कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 1 लाख 97 हजार 659 ने कोरोना से बचाव करने के लिए वैक्सीन ली। कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5 लाख 30 हजार 479 पहुंच गया। 24 घंटे में कुल 18 मौत के मामले में केरल के 15 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का दोबारा मिलाते हुए हुए वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े गए हैं। संक्रमण से मौत के तीन मामले सामने आए हैं, उनमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल के एक-एक मरीज शामिल हैं।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज दुनिया में पीएम नरेंद्र मोदी के कारण देश की तस्वीर बदल गई है आज मोबाइल उत्पादन में भारत दूसरे नंबर पर है, स्टील उत्पादन में भारत दूसरे नंबर पर है, सौर ऊर्जा में हम पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं, ब्रिटेन को पछाड़ कर भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि आज न तो हरियाणा में कांग्रेस की सरकार है और न ही हिमाचल और पंजाब में। जेपी नड्डा ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश को बल्क ड्रग पार्क मिल रहा है। आने वाले समय में फार्मा में हिमाचल प्रदेश का बल्क ड्रग पार्क दुनिया के नक्शे पर देखा जाएगा। यही नहीं, यहां मेडिकल डिवाइस पार्क के साथ-साथ विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल गिहारी वाजपेयी ने हिमाचल इकोनॉमिक पैकेज दिया लेकिन 7 साल में कांग्रेस ने छीन लिया और कहा कि हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में हमारी सरकार है तो हिमाचल को हम अकेले नहीं दे सकते।
कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रोजगार, पेंशन, महंगाई को लेकर भाजपा कुछ नहीं करेगी। भाजपा नेता अपने लिए, अपने स्वार्थ के लिए चुनाव मैदान में खड़े हैं। सोच समझकर वोट डालें। उन्होंने कहा कि जनता समझें, नीयत साफ किसकी है और किसकी खोटी। प्रियंका गाँधी ने आगे कहा कि पुलिस भर्तियों में घोटाले, पीपीई किट घोटाला, शिक्षक भर्ती में घोटाला और प्रदेश में अब ड्रग्स भी फैला हुआ है। भाजपा के राज में ये घोटाले हैं। उद्योगपतियों के लिए सब कुछ हो सकता है, आपके लिए कुछ नहीं। क्या आप ऐसी सरकार चाहते हैं? प्रियंका गाँधी ने कहा कि हिमाचल में 4 हजार सैनिक सेना में जाते थे। अग्निपथ योजना से अब सिर्फ 400 से 500 युवा सेना में जा पाएंगे। उनमें से भी 75 फीसदी 4 साल बाद घर भेज दिए जाएंगे। कांग्रेस आपके लिए गारंटी लेकर आई है। हमारी सरकारों ने करके दिखाया है। पहली कैबिनेट में ओपीएस देंगे। हिमाचल के 1 लाख रोजगार देंगे। 63 हजार पद खाली पद भरेंगे। 5 साल में 5 लाख रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि हर घर लक्ष्मी योजना में महिलाओं को प्रतिमाह 1500 देंगे। ड्रग्स से हम लड़ेंगे। देश में पहली इलेक्ट्रिक बस कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में चली। यह स्वर्गीय जीएस बाली की देन है। भाजपा ने हिमाचल को कर्ज में डुबोया है। प्रदेश पर 70 हजार करोड़ का कर्ज है। कर्मचारियों को पेंशन का टेंशन है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बढ़ते प्रदूषण के चलते शुक्रवार को प्राइमरी स्कूल बंद करने का एलान किया है। उनकी यह घोषणा कल (शनिवार) से लागू हो जााएगी। इसके साथ ही, आउट डोर एक्टिविटी पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं सीएम केजरीवाल ने फौरन केन्द्र सरकार से इस बारे में कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण काफ़ी ज़्यादा हो गया है। लोगों को सांस लेने में मुश्किल हो रही है। ये सिर्फ़ दिल्ली की नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत की समस्या है। दिल्ली के अलावा हरियाणा और यूपी के कई शहरों में हवा बेहद ख़राब चल रही है। केजरीवाल ने आगे कहा कि इसके लिये कई लोकल कारण है। उन्होंने कहा ये समय राजनीति का या गाली देने का नहीं है। दिल्ली सीएम ने कहा कि पंजाब में पराली जल रही तो इसके लिए हम खुद जिम्मेदार हैं, क्योंकि वहां पर हमारी सरकार है। दिल्ली सीएम ने कहा कि इस मामले में किसानों के साथ मिलकर कई कदम उठाए जाएंगे और अगले साल तक इसके नतीजे दिख जाएंगे।
भारतीय जनता पार्टी आज अपना दृष्टि पत्र जारी करने वाली थी। लेकिन अब इसे रविवार 6 नवंबर को जारी किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का शिमला में उपस्थित न होना दृष्टिपत्र जारी न करने का कारण बताया गया है। गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दोपहर बाद ढाई बजे पीटरहॉफ शिमला में दृष्टिपत्र लांच करने वाले थे। घोषणापत्र में ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) को लेना है कि नहीं, इस बारे में असमंजस है। भाजपा इसे लागू करेगी की नहीं, इस पर भी संशय बना है। भाजपा कर्मियों, किसानों-बागवानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों समेत तमाम वर्गों को घोषणापत्र में शामिल करने का प्रयास कर रही है। उधर, कांग्रेस 5 नवंबर को घोषणापत्र जारी करेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस के नेता घोषणापत्र जारी करेंगे। घोषणापत्र में कांग्रेस ओपीएस को लेकर कर्मियों के अलावा किसानों, बागवानों, महिलाओं और युवाओं को साधेगी। दस गारंटियों को फिर दोहराया जाएगा।
सिरमौर के पावंटा साहिब में भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी के समर्थन में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र की कांग्रेस सरकार ने हिमाचल का विशेष पैकेज छीन लिया था। विकास की रफ्तार को डबल इंजन सरकार ही पकड़ सकती है। भाजपा ने वन रैंक वन पेंशन लागू किया। हेमकुंड साहिब कोरीडोर बनाने का काम किया। पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करके भारत ने बदला लिया। उन्होंने कहा कि कश्मीर में तिरंगा झंडे तक फहराने पर रोक थी। अब वहां से 370 धारा ही हटा दी गई है। यह सब केंद्र की मोदी सरकार ने किया है। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत ने 27 हजार विद्यार्थियों को यूक्रेन से निकालकर सुरक्षित घर पहुंचाया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत आज दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बन गया है।
हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के लिए केवल कुछ ही दिन बाकी हैं। इसी के चलते दोनों बड़े राजनीतिक दलों बीजेपी और कांग्रेस में आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला जारी हैं। वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सांबित पात्रा ने शिमला में कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला हैं। पात्रा ने राहुल गाँधी के हिमाचल न आने पर भी सवाल खडे किए हैं। सांबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस के पास नेता, नीति और नियत नही हैं। राहुल गांधी हिमाचल में प्रचार में क्यों नही आना चाहते? क्या नेताओं ने उनको मना किया है ? उन्होंने आगे कहा कि राहुल गाँधी जहाँ भी जाते हैं कांग्रेस हारती हैं। सांबित पात्रा ने कहा कि सोनिया गांधी हिमाचल में छुट्टियां मनाने आई है। कांग्रेस के लिए हिमाचल हॉलिडे डेस्टिनेशन है। जबकि बीजेपी के लिए विकास डेस्टिनेशन। उन्होंने कहा कि सोनिया गाँधी शिमला में हैं, बावजूद इसके कोई जनसभा क्यों नही कर रही है? उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस एटीएम की पार्टी हैं। जहाँ भी इनके कुछ एमएलए जीत जाते हैं, वहाँ से भ्रष्टाचार कर पैसे निकाल कर दिल्ली भेजना इनका एजेंडा होता हैं।
भारत में कोरोना संक्रमण का कहर अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1 हजार 321 नए मामले सामने आए और नौ संक्रमितों ने अपनी जान गंवा दी। इसके बाद से कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4 करोड़ 46 लाख 57 हजार 149 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 1457 मरीज ठीक भी हुए हैं। इसी के साथ कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 16 हजार 098 रह गई। देश में अबतक करीब 220 करोड़ कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 1 लाख 64 हजार 567 ने कोरोना से बचाव करने के लिए वैक्सीन ली। ये आंकड़ा पिछले दिन से लगभग 50 हजार ज्यादा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी नए आंकड़ों के अनुसार, भारत में बीते दिन कोरोना से 9 मरीजों की मौत होने से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5 लाख 30 हजार 452 पहुंच गई। इन 9 मौत में केरल के 5 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का दोबारा मिलाते हुए हुए वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े गए हैं। 24 घंटे में संक्रमण से मौत के चार मामले सामने आए हैं, उनमें महाराष्ट्र के दो, मध्य प्रदेश व पश्चिम बंगाल के एक-एक मरीज शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश के बाद आज गुजरात चुनाव के लिए भी तारीखों का एलान कर दिया है। गुजरात चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में एक दिसंबर को जबकि दूसरे चरण में 2 दिसंबर को वोटिंग होगी। जबकि वोटों की गिनती 8 दिसंबर को की जाएगी। इससे पहले चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान करते हुए मोरबी हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई और परजिनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। उन्होंने कहा- मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि गुजरात विधानसभा चुनाव में 3 लाख 24 हजार 422 नए मतदाता इस बार पहली बार मतदान करेंगे। कुल मतदान केंद्र की संख्या 51 हाजर 782 है। राज्य में स्थापित मतदान स्थलों में से कम से कम 50% मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि इस बार कई मायने में गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान नई चीजें देखने को मिलेगी, जिसमें 182 दिव्यांग के लिए पोलिंग स्टेशन होंगे। इसके साथ ही, युवा वाटर्स के लिए हर जिले में एक बूथ ऐसा होगा, जहां पर सबसे कम उम्र के प्रिसाइडिंग ऑफिसर होंगे। गिर में सिर्फ एक मतदाता के लिए पोलिंग बूथ बनाया गया है।
सोने और चांदी के दाम में आज गिरावट दर्ज की गई है और वायदा बाजार में ये आधा से एक फीसदी की बड़ी गिरावट के साथ मिल रहे हैं। कल देव दीपावली से पहले आज सोने की कीमतों में कमी आई है और आपके पास खरीदारी के लिए मौका बन रहा है। वायदा बाजार में आज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का दाम 0.54 फीसदी की गिरावट के साथ 50332 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर कारोबार कर रहा है। सोने के ये दाम इसके दिसंबर वायदा के लिए हैं। दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 51 रुपये की तेजी के साथ 50,964 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर बंद हुआ था। आज चांदी में भी जोरदार गिरावट है और ये 1.08 फीसदी टूटकर 58153 रुपये प्रति किलो के रेट पर कारोबार कर रही है। हालांकि, कल भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदी की कीमत 502 रुपये की गिररावट के साथ बंद हुई थी और ये 59,265 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी थी।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते देश के उत्तरी राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस सप्ताहांत जम्मू, लद्दाख, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छुटपुट रूप से हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा गुरुवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार हिमालय में एक नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका शुक्रवार से देश के उत्तरी राज्यों पर असर पड़ेगा। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बारिश होगी। शुक्रवार व शनिवार को इसका प्रभाव ज्यादा नजर आएगा। पहाड़ों पर बर्फबारी होगी तो समीपवर्ती मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। आईएमडी ने कहा कि जम्मू, लद्दाख, कश्मीर, पीओके के गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जबकि, उत्तराखंड में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
गुजरात विधानसभा चुनावों का आज एलान होगा। आज दोपहर 12 बजे चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इसी कॉन्फ्रेंस में गुजरात चुनाव की तारीखों की जानकारी दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक, गुजरात में चुनाव दो चरणों में हो सकता है। दिसंबर को पहले सप्ताह में वोटिंग कराई जा सकती है। चुनाव आयोग ने 2017 में अपनाई गई परंपरा का हवाला देते हुए पिछले महीने हिमाचल प्रदेश चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ गुजरात चुनाव कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। हिमाचल प्रदेश में एक ही चरण में 12 नवंबर को चुनाव होंगे और मतगणना आठ दिसंबर को की जाएगी।
एडिलेड ओवल में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के 35वें मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 5 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत के 6 प्वाइंट्स हो गए हैं और उसने सेमीफाइनल की तरफ मज़बूत कदम बढ़ा दिया है। भारत ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन बनाए थ। हालांकि, बारिश की वजह से बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रनों का लक्ष्य मिला था। इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 145 रन ही बना सकी। बांग्लादेश के लिए ओपनर लिट्टन दास ने सिर्फ 27 गेंदों में 60 रन बनाए, लेकिन किसी अन्य बल्लेबाज ने उनका साथ नहीं दिया। भारत के लिए अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए बुधवार (2 नवंबर) को बीजेपी चीफ जेपी नड्डा राज्य की बिलासपुर विधानसभा पहुंचे। यहां पर उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई साथ ही उन्होंने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। नड्डा ने जनसभा में आरोप लगाया कि ये कांग्रेस ही थी जिसने हिमाचल से विशेष राज्य का दर्जा छीन लिया था। उन्होंने कहा कि जब बीजेपी सत्ता में वापस आई तो उसने हिमाचल का विशेष राज्य का दर्जा बहाल कर दिया। जेपी नड्डा ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पीएम मोदी ने 9 महीने में भारत में दो कोविड के टीके बनवा दिये। आप सभी को डबल डोज और बूस्टर डोज लगाया और आपकी रक्षा की. अब आपका समय आ गया है हमारी रक्षा करने का। जिस पार्टी ने आपकी रक्षा की उसकी रक्षा करना आपकी जिम्मेदारी है।
भारतीय शेयर बाजार में चार दिनों तक तेजी रहने के बाद आज पांचवे दिन लाल निशान में क्लोजिंग मिली है। बीएसई का सेंसेक्स 215 अंक की गिरावट के साथ क्लोज हुआ है और निफ्टी 62 अंक नीचे बंद हुआ है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आज बैठक के चलते बाजार कुछ तेजी हासिल नहीं कर पाए और गिरावट के दायरे में फिसल गए। बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स आज 215.26 अंक यानी 0.36 फीसदी की गिरावट के साथ 60906.09 पर जाकर बंद हुआ है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 62.55 अंक यानी 0.34 फीसदी की कमजोरी के साथ 18082.85 के लेवल पर क्लोज हुआ है। सेंसेक्स के 30 में से केवल 9 शेयर तेजी पर बंद हुए जबकि 21 शेयरों में गिरावट रही है। निफ्टी के 50 में से 15 शेयरों में तेजी रही और 35 शेयरों में गिरावट के साथ क्लोजिंग हुई है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सरकाघाट विधानसभा में आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा का प्रचार करने पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी दिलीप ठाकुर के पक्ष में वोट करने की अपील लोगों से की। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण को शुरू करते हुए हिमाचल प्रदेश के ऋषि-मुनियों और देवी-देवताओं को प्रणाम किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देव कार्य के साथ-साथ हिमाचल वासियों को राष्ट्रीय कार्य करने का भी मौका मिला है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखा और बताया कि देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार ने अद्भुत अविश्वसनीय विकास किया है। इसके बाद योगी ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को संजोए देव भूमि हिमाचल प्रदेश की पावन धारा पर आज मैं आप सबके बीच पहुंचा हूं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार इस बार भी हिमाचल में बनने वाली है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और भाजपा की सरकार द्वारा पिछले 500 वर्ष से चली आ रही गुलामी को समाप्त करके अयोध्या में राम मंदिर की राह खोली गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को हिमाचल के नादौन विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान शाह ने हिमाचल कांग्रेस की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष और नादौन के विधायक सुखविंदर सुक्खू पर जोरदार तंज कसा है। शाह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने भाजपा के विकास के आगे 8 से 10 लोगों को मुख्यमंत्री बनाने का शगुफा छोड़ रखा है, इसी तरह की गलतफहमी में नादौन के प्रत्याशी भी घूम रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए सुक्खू का नंबर लगने वाला नहीं है। कांग्रेस तो राजा रानियों का काम है। कांग्रेस के प्रत्याशी खुद को यहां क्यों सहला रहे हैं। CM बनने के लिए कांग्रेस में किसी बड़े नेता का बेटा या बेटी होने का हिसाब भी देना पड़ता है। परिवारवाद का हिसाब रखना पड़ता है, लेकिन लोकतंत्र में राजा रानियों का कोई स्थान नहीं है। अब समय बदल चुका है और कांग्रेस के यहां के प्रत्याशी को भी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए।
भारत में कोरोना संक्रमण का कहर अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। अगर पिछले 24 घंटे की बात की जाये तो कोविड-19 के पिछले 24 घंटे में 1 हजार 190 नए मामले सामने आए है। जिसके बाद से देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4 करोड़ 46 लाख 55 हजार 828 हो गई है। दूसरी ओर कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 16 हजार 243 रह गई है। जबकि पिछले 24 घंटे में 1 लाख 23 हजार 859 लोगों ने कोरोना से बचाव करने के लिए वैक्सीन ली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी नए आंकड़ों के अनुसार, भारत में बीते दिन कोरोना से 1 हजार 373 मरीजों की मौत होने से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5 लाख 30 हजार 452 हो गई है। इन 1373 मौत में पंजाब के 1369 और केरल के दो लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का दोबारा मिलाते हुए हुए वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े गए हैं।
देश की राजधानी दिल्ली में भी अब ठण्ड का एहसास होने लगा है। साथ ही दिल्ली समेत एनसीआर में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भी ठंड दस्तक दे रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर भारत राज्यों में बारिश की अभी कोई संभावना नहीं है, हालांकि तापमान में गिरावट जरूर दर्ज की जाएगी। वहीं, देश में इस वक्त केवल दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है। तमिलनाडु, केरल, अंडमान-निकोबार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश बीते दिनों देखने को मिली है। वहीं 2 नवंबर तक इन इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। साथ ही मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को धुंध छाए रहने का अनुमान जाहिर किया है और दिन में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने रविवार को भी मौसम इसी तरह का बने रहने की जानकारी दी है। वहीं सोमवार से फिर से आसमान पूरी तरह साफ होने की संभावना जताई है।
भाजपा हिमाचल में सरकार रिपीट करने का दावा कर रही हैं। इसी कड़ी में आज केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने हिमाचल में पांच सालों में विकास किया है, जिसके बाद जनता उन्हें दोबारा सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। अनुराग ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने एम्स बल्क ड्रग पार्क जैसे बड़े संस्थान प्रदेश को दिए हैं। स्वरोजगार के नये मार्ग सृजित किए गए है। उन्होंने कहा, "हिमाचल में विकास की रफ्तार हैं, फिर भाजपा सरकार है।" अनुराग ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा की कांग्रेस झूठे वादों की पार्टी हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में इनकी सरकार रही लेकिन कर्ज माफ करने का जो वादा किया था वह पूरा नहीं किया गया। हर घर से सरकारी नौकरी का वादा किया लेकिन पूरा नहीं किया। ये चुनावों से पहले कोरे कागज भरवाते हैं बाद में भूल जाते हैं। भारत जोड़ो यात्रा में कभी भाई बहन नहीं जुड़ सके यह भारत को क्या जोड़ेंगे। वंही कांग्रेस के द्वारा लाई जा रही चार्जशीट पर भी अनुराग ने निशाना साधा है उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व बेल पर हैं। जो स्वयं भ्रष्टाचार में डूबें हैं, वह क्या चार्जशीट लाएंगे। उन्हें इसका नैतिक अधिकार नहीं हैं। दूसरी ओर अनुराग ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा आप भ्रष्टाचार में डूबी है। पंजाब और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पहले भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए गए और अब दिल्ली के उपमुख्यमंत्री शराब घोटाले में फंसे है। कांग्रेस व आप पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी है। दिल्ली के सीएम केजरीवाल द्वारा नोट पर लक्ष्मी व गणेश की फोटो लगाने के बयान पर अनुराग ने कहा कि फर्जीवाल की फर्जी बातें हैं। यहीं लोग राम मंदिर का विरोध करते थे। दिल्ली में मौलवियों को सालाना अठारह हजार देते हैं क्या मंदिर के पुजारियों और गुरद्वारे के ग्रंथियों को भी देंगे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल अराजकता के प्रतीक हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप में पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में रविवार को साउथ अफ्रीका से भिड़ने जा रही है। पर्थ का विकेट तेज गेंदबाजों के मुफीद माना जाता है। तेज गेंदबाज यहां अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर अपनी रफ्तार का नमूना पेश करेंगे। टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप से एक सप्ताह पहले यहीं पर अपना ट्रेनिंग कैंप लगाया था। भारत ने पर्थ में ही वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो प्रैक्टिस मैच खेले थे ताकि उसके बल्लेबाज और गेंदबाज बाउंसी और तेज पिचों से अपना सामंजस्य बैठा सके। गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत लगातर दो मैच जीत चुकी है। भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान से था। वहीं दूसरे मैच में भारत ने नीदरसलैंड को पटखनी दी थी। भारत आगे भी इसी तरह अपनी जीत का सिलसिला जारी रखती है, यह देखना रोचक होगा।
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने तीन दिन तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के सभी भागों में 30 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने के आसार है। जबकि 31 अक्तूबर व 1 नवंबर को मध्य व उच्च पर्वतीय कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। इस दौरान चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। विभाग के अनुसार 2 व 3 नवंबर को भी मौसम खराब रहने की संभावना है। शिमला में न्यूनतम तापमान 12.1, सुंदरनगर 8.4, भुंतर 7.4, कल्पा 3.0, धर्मशाला 13.2, ऊना 12.2, नाहन 16.7, केलांग 0.2, पालमपुर 10.0, सोलन 7.5, मनाली 4.5, कांगड़ा 12.5, मंडी 10.1, बिलासपुर 13.5, हमीरपुर 11.3, चंबा 9.8, डलहौजी 13.1, जुब्बड़हट्टी 13.0, कुफरी 9.5, नारकंडा 6.1, रिकांगपिओ 6.5 और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना के नए आंकड़े जारी किए है। आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना केस में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। बीते दिन की तुलना में दो गुना कोरोना केस सामने आए हैं। पिछले दिन कोरोना के 1112 मामले दर्ज किए गए थे। हालांकि मरीजों की कोरोना से ठीक होने वाली कुल संख्या 20,821 से घटकर 19,398 पहुंच गई है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोनो से 3619 मरीज ठीक हुए हैं। बीते दिन कोरोना से 12 और लोगों की मौत के बाद अब तक जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या 52,8999 पहुंच चुकी है। इन 12 मामलों में वे नौ मृतक भी शामिल हैं। देश में अबतक कुल 4 करोड़ 46 लाख 49 हजार 088 कोरोना केस दर्ज हो चुके हैं। वहीं संक्रमण के सक्रिय मरीजों की दर 0.04% दर्ज की गई है।
हरियाणा के सूरजकुंड में दो दिवसीय चिंतन शिविर का आज आखिरी दिन था। गृहमंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन से इस चिंतन शिविर की शुरुआत की थी, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सभी प्रदेशों के गृहमंत्रियों को भी संबोधित किया है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश में त्योहार का सीजन है, देश में शांति से त्योहार मनाए। कानून व्यवस्था को लेकर पीएम ने कहा कि इसका सीधा संबंध राज्य के विकास से है। सूरजकुंड में हो रहे इस चिंतन शिविर में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री शामिल थे। चिंतन शिविर में साइबर अपराध, ड्रग तस्करी, सीमा प्रबंधन,कट्टरपंथ सहित तमाम चुनौतियों पर भी मंथन हुआ। पीएम मोदी ने राज्यों के गृहमंत्रियों को कहा कि देश की तरक्की के लिए काम करें।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अस्पताल के वार्ड के एक गटर से मृत बच्चे का शव बरामद किया गया है। मामला सदर पुलिस थाना हमीरपुर में दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के एक वार्ड में अचानक टॉयलेट का गटर ब्लॉक हो गया। गटर की सफाई के दौरान यहां पर बच्चे का शव बरामद किया गया। माना यह जा रहा है कि मृत बच्चे को पैदा होने के बाद यहां पर किसी ने फेंक दिया। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह नवजात कितने महीने का था। सदर पुलिस थाना हमीरपुर ने बच्चे का पोस्टमार्टम भी करवा लिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो हो पाएगा कि बच्चा मृत पैदा हुआ था या फिर बाद में इसकी मौत हुई है। फिलहाल यह मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सदर थाना हमीरपुर के एसएचओ संजीव गौतम ने बताया कि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर प्रबंधन की तरफ से देर शाम यह शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया गया है तथा अब आगामी कार्रवाई की जा रही है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ रमेश चौहान का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की उम्र का अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितने महीने का था। पोस्टमार्टम में यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि बच्चे की मौत जन्म से पहले हुई थी या फिर बाद में। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और मेडिकल कॉलेज इस जांच में पूरा सहयोग दे रहा है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने गुरुवार (27 अक्तूबर) को बड़ा एलान किया। उन्होंने बताया कि अब भारतीय महिला खिलाड़ियों की मैच फीस भी पुरुष खिलाड़ियों के बराबर होगी। इससे पहले न्यूजीलैंड में यह नियम लागू हो चुका है। बता दें कि बीसीसीआई की एजीएम में हाल ही में एक और बड़ा फैसला लिया है। बीसीसीआई ने ऐलान किया है कि महिला आईपीएल का पहला सीजन 2023 में खेला जाएगा।
भारत के केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे गुरुवार (27 अक्टूबर) को जम्मू-कश्मीर में ‘‘इन्फैंट्री दिवस’’ की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक प्रोग्राम में शामिल होंगे। अधिकारियों ने बुधवार (26 अक्टूबर) को यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि 26 अक्टूबर, 1947 को जम्मू-कश्मीर के उस समय के महाराजा हरि सिंह और भारत संघ के बीच विलय पत्र पर हस्ताक्षर होने के बाद इस पूर्व राज्य जम्मू-कश्मीर का भारत में आधिकारिक तौर पर विलय हुआ था।
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम साफ रहा।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान जताया है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज होने के आसार हैं। उधर, उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल स्पीति सहित चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई है। वहीं सोमवार रात को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 0.8, केलांग में 0.4, कल्पा में 3.0, मनाली में 6.0, सोलन में 8.7, शिमला में 10.9 और धर्मशाला में 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
धनबाद मंडल के कोडरमा में बुधवार की सुबह बड़ा हादसा देखने को मिला है। यहां कोडरमा और मानपुर रेलवे खंड के बीच गुरपा स्टेशन पर कोयले से लदी एक मालगाड़ी के 53 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह 6:24 बजे हुई। पूर्व मध्य रेलवे ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। ट्रेन में कोयला लदा हुआ था, डब्बों के बेपटरी होने से 50 से ज्यादा वैगन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं जबकि कई डब्बे एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए हैं। जानकारी के अनुसार हावड़ा नई दिल्ली ग्रैंडकार्ड रेलखंड के गुरपा स्टेशन के पास मालगाड़ी का इंजन ब्रेक फेल हो गया जाने के कारण यह हादसा हुआ।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में एलओसी के पास करनाह सेक्टर में सुरक्षाबलों व आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। जानकारी के मुताबिक आतंकियों द्वारा घुसपैठ की कोशिश की जा रही थी। इस मुठभेड़ में अब तक एक आतंकी मारा गया है, वहीं आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि सीमा पार से आतंकियों के एक दस्ते ने घुसपैठ की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते सुरक्षाबलों को इसकी भनक लग गई, जिसके बाद जवानों ने फौरन मोर्चा संभाल लिया। दो घुसपैठिए सीमा पार करने में कामयाब हुए थे, जिसमें से एक मारा गया। एक से 47 हथियार बरामद हुआ है, वहीं, दूसरे आतंकी को ट्रैक करने के लिए सेना का ऑपरेशन जारी है। आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। पूरे इलाके की तलाश ली जा रही है।
प्रियंका गांधी वाड्रा संभालेंगी कांग्रेस के प्रचार की कमान, 31 अक्टूबर से 10 नवंबर तक करेंगी रोड़ -शो
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की कमान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा संभालेंगी। 31 अक्टूबर से 10 नवंबर तक प्रियंका गांधी वाड्रा एक के बाद एक रोड शो और रैली करने जा रही है। 31 अक्टूबर को कुल्लू में रोड शो मंडी में रैली, 3 नवंबर को नगरोटा में रोड शो चंबा में रैली, 7 नवंबर को हमीरपुर में रोड शो उना में रैली और 10 नवंबर को शिमला में रोड शो के साथ नाहन में प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली प्रस्तावित है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए टिकट आवंटन के बाद पार्टी से बागी हुए नेताओं को भी मनाने के लिए पार्टी ने कसरत शुरू कर दी है। इसके लिए केंद्रीय टीम का गठन किया गया है, जो बागियों को मना कर वापस पार्टी में लाने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस नेता अनीश अहमद को बगावत खत्म करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला भी चुनाव तक हिमाचल में डटकर बागियों की वापसी की कोशिश करेंगे। हिमाचल कांग्रेस प्रशासनिक महासचिव यशवंत छाजटा ने जानकारी देते हुए बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में बागियों की नाराजगी दूर करने के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए जा रहे हैं। यह ऑब्जर्वर बागियों से बातचीत कर पार्टी के सभी नेताओं को एक साथ लाने की कोशिश करेंगे। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला साधते हुए कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हार को लेकर डरे हुए हैं यही वजह है कि जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश में डट कर नेताओं के साथ संवाद करने में जुटे हुए हैं।
भारत में कोरोना का असर कम होता दिखाई दे रहा है। देश में एक दिन में कोरोना वायरस के 830 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4 करोड़ 46 लाख 45 हजार 768 हुई। बड़ी बात ये रही कि देश में बीते 197 दिन बाद कोरोना के सबसे कम मामले दर्ज किए गए है। वही मरने वालों में सिर्फ 1 की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद मरने वालों की संख्या 5 लाख 28 हजार 981 पर पहुंच गए। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में कोविड -19 के मामले लगातार बढ़ रहे थे, लेकिन आज फिर से स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले दिन के मुकाबले मामलो में 32 केस की गिरावट आई है।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया है। खरगे की ताजपोशी को लेकर आज (26 अक्टूबर) AICC मुख्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि खरगे के नेतृत्व में पार्टी पहले से ज्यादा मजबूत होगी। पार्टी के आगे अभी कई चुनौतियां हैं। खरगे अपनी सालों की मेहनत से आज कांग्रेस के अध्यक्ष बने हैं। सोनिया गांधी ने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं का सम्मान उनके लिए अब तक की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने भरोसा जताया कि अब कांग्रेस पहले से ज्यादा मजबूती से आगे बढ़ेगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरफ से नोट पर गणेश और लक्ष्मी की तस्वीर लगाने की मांग के बाद बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गया है। ‘आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी से पूछा कि आखिरकार दिल्ली सीएम के इस बयान के बाद बीजेपी के पेट में दर्द क्यों हो रहा है? उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पीएम से मांग की है कि सुख समृद्धि और खुशहाली के देवता और माता लक्ष्मी की फोटो नोट पर छापी जाए। उनकी मंशा देश में खुशहाली और समृद्धि के आशीर्वाद की है। संजय सिंह ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था एक गंभीर संकट से गुजर रही है। ऐसे में हमें सारे प्रयास करना चाहिए। लेकिन इसके साथ-साथ भगवान का आशीर्वाद भी जरूरी है।
पश्चिम बंगाल में एनसीसी कैडेट्स परेशानियों का सामना कर रहे है। वित्तीय संकट से जूझ रही एनसीसी को राज्य सरकार ने एक बार फिर फंड देने से इनकार कर दिया है। इसके बाद एनसीसी ने केंद्र सरकार के सामने ये मुद्दा उठाया है। एक लाख से अधिक एनसीसी कैडेटों वाला पश्चिम बंगाल इस संगठन के नामांकन के मामले में शीर्ष राज्यों में शामिल है, और राज्य सरकारें इन युवाओं के प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियों में शामिल कुल खर्च का 25 प्रतिशत वहन करती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम निदेशालय, एनसीसी के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल उदय शंकर सेनगुप्ता ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में वरिष्ठ कैडेटों के लिए 'बी' और 'सी' प्रमाणपत्र परीक्षाओं के लिए शिविर आयोजित नहीं किए जा सकते क्योंकि राज्य पर्याप्त धन जारी नहीं कर रहा है। साल 2023 में कम से कम 50,000 कैडेट अपनी 'बी' और 'सी' प्रमाणपत्र परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पाएंगे क्योंकि इस साल पर्याप्त संख्या में शिविर आयोजित नहीं किए गए।
भारतीय जनता पार्टी में टिकट आवंटन के बाद विरोध के स्वर उठने लगे हैं। कैबिनेट मंत्री सुरेश भारद्वाज को शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र से कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र शिफ्ट करने पर विरोध शुरू हो गया है। भाजपा शिमला मंडल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कैबिनेट मंत्री सुरेश भारद्वाज के घर पर जुटकर सीट बदलने का विरोध कर रहे हैं। शिमला मंडल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि कैबिनेट मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जब शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य किए, तो आखिर किस आधार पर उन्हें उनकी सीट बदली गई। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि सुरेश भारद्वाज को शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र से ही टिकट दी जाए। वहीं, इस मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री सुरेश भारद्वाज का कहना है कि पार्टी ने सोच-समझकर उन्हें टिकट दी है, लेकिन कार्यकर्ताओं में टिकट को लेकर नाराजगी है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता उनके साथ जुड़े हुए है। ऐसे में उनकी बात सुनना भी जरूरी है। सुरेश भारद्वाज ने पार्टी आलाकमान पर विश्वास जाहिर किया है। सुरेश भारद्वाज ने पार्टी के निर्णय को सर्वमानय करार दिया।
करेंसी बाजार में बुधवार को एक बार फिर रुपये में ऐतिहासिक गिरावट देखने को मिली है। रुपया पहली बार एक डॉलर के मुकाबले 83 रुपये के लेवल के नीचे जा गिरा है। करेंसी बाजार के बंद होने पर रुपया 66 पैसे यानि 0.8 फीसदी की गिरावट के साथ पहली बार 83.02 रुपये पर बंद हुआ है।
इस हफ्ते शनिवार को धनतेरस का त्योहार है और इससे पहले वायदा बाजार के साथ-साथ रिटेल सर्राफा बाजार में भी रौनक देखी जा रही है, आज सोने के दाम में हालांकि कमजोरी के साथ ही कारोबार देखा जा रहा है। आज सोने के कारोबार की शुरुआत 50397 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर हुई और ये ऊपर में 50401 रुपये के रेट तक गया था। वहीं नीचे में सोने के दाम 50290 रुपये प्रति 10 ग्राम तक देखे गए थे। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना आज गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। सोने में 100 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा की कमजोरी बनी हुई है। आज एमसीएक्स पर सोने का दिसंबर वायदा 111 रुपये या 0.22 फीसदी की गिरावट के साथ 50303 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर कारोबार कर रहा है। इसमें 50290-50310 रुपये के बीच ज्यादातर कारोबारी रुझान देखा जा रहा है।


















































