पुलिस टीम द्वारा धर्मशाला-चंबी रोड पर ढढम्ब नजदीक शिव वर्फानी मंदिर के पास एक ठारु के व्यक्ति दुर्गा सिंह की गाड़ी मारुती 800 से कुल 190 प्रतिबंधित/नशीली दवाइयां बरामद की गईं। जिस पर पुलिस थाना शाहपुर में दुर्गा सिंह के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी दुर्गा सिंह से मौका पर पूछताछ करने के उपरांत उसके घर पर रेड की गई जहां पर कुल 840 अन्य प्रतिबंधित दवाईयां बरामद की गईं। तलाशी के दौरान संतरा मार्का की 54 बोतल देसी शराब भी बरामद की गई। जिस पर पुलिस थाना शाहपुर में ममला पंजीकृत किया गया । दुर्गा सिंह को गिरफ्तार किया गया। उपरोक्त दोनों अभियोगों में आगामी जांच जारी है।
लॉरेट फार्मेसी संस्थान कथोग में आज हिंदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संसथान के निर्देशक एवं प्राचार्य डॉ. एमएस आशावत ने छात्रों को बताया कि हिंदी हमारे देश की राजभाषा है। हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि यह खास दिन हिंदी के महत्व को समझाना और उसे बढ़ावा देना है और इस दिन महान हिंदी कवि राजेंद्र सिंह की जयंती भी होती है। इस दिवस पर कई सारी प्रतियोगिताएं करवाई गईं जैसे निबंध लेखन प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता एवं नाटक प्रतियोगिता, जिसमें 25 छात्रों ने भाग लिया। इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ सीपीएस वर्मा ने भी हिंदी महत्व के बारे में छात्रों को जानकारी दी। इस कार्यक्रम में डॉ परवीन, डॉ संजय, डॉ शमी जिंदल, डॉ अदिति कौशिक, एसोसिएट प्रो शिव कुमार खुश्बा, सहायक प्रो देव राज, सहायक प्रो अजय, सहायक प्रो रेनू राणा, सहायक प्रो अर्चना, सहायक प्रो आस्था, सहायक प्रो आंचल ठाकुर तथा अन्य स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।
जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय में वीरवार को राष्ट्रीय हिंदी दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कविता पाठन आदि के माध्यम से राजभाषा हिंदी का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ की गई। कार्यक्रम में पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के कानून विभाग में सेवारत प्रो. अजय रंगा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्रो. अजय रंगा ने कहा कि किसी भी समाज की उम्मीदों-आकांक्षाओं और विचारों की सबसे सहज और प्रभावी अभिव्यक्ति उसकी मातृभाषा के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि विश्व के सभी विकसित देशों ने स्वभाषा से ही उन्नति की है। भारत को भी अमृत काल में विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में आने के लिए मातृभाषा हिंदी को ही सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। वहीं, अपने संदेश में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक पुरी ने कहा कि मां, मातृभूमि और मातृभाषा का कोई दूसरा विकल्प नहीं हो सकता है। अत: हर भारतीय को अपने जीवन में मातृभाषा हिंदी को सर्वोच्च महत्व देना चाहिए। तभी हम अपनी क्षमताओं और सामर्थय की सार्थक अभिव्यक्ति कर सकेंगे।
हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा को नव कार्यकारिणी का गठन हुआ, जिसमें प्रदेश के कई कार्यकर्ताओं को नवीन दायित्व दिए गए। इसमें संगठनात्मक जिला देहरा ज्वालामुखी उपमंडल के खुंडिया के रहने वाले अजय राणा को भारतीय जनता युवा मोर्चा में प्रदेश सह सोशल मीडिया संयोजक का दायित्व दिया गया। अजय राणा ने अपनी इस नियुक्ति के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व संगठन मंत्री पवन राणा, वर्तमान प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, पूर्व आईपीएच मंत्री रविंद्र रवि ठाकुर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर और भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल एवं महामंत्री डॉ सिकंदर और त्रिलोक कपूर वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश के अध्यक्ष तिलक राज शर्मा, प्रदेश महामंत्री सन्नी शुक्ला और शाकेश का धन्यवाद किया है।
खेल मैदान में हुई बैठक में किया गया कार्यकारिणी का गठन शिव शक्ति दंगल कमेटी ढलियारा की बैठक खेल मैदान में हुई। बैठक में कार्यकारिणी का गठन भी किया गया, जिसमें चेयरपर्सन ज्ञान प्रकाश धीमान, प्रधान वीरेंदर मनकोटिया उप प्रधान, कुलदीप सिंह राणा, विवेक ठाकुर, बलजीत सिंह,मनोज ठाकुर, दिनेश राणा, संदीप चौहान जनरल सेक्रेटरी, जरनैल सिंह, मोहित राणा, रोहित राणा प्रवीण धीमान सेक्रेटरी, राजिंदर सिंह, राजीव, रितेश विवेक सपेहिया, साहिल शर्मा, गोल्डी कोषाध्यक्ष कुलदीप सिंह, हर्ष सेठी, संजीव कुमार, मनदीप राणा मीडिया प्रभारी अविनाश, बृजेश्वर, विनायक, जॉइंट सेक्रेटरी विजय मानिकोटिया, अजय मनकोटिया, रणवीर मनकोटिया, पंकज शर्मा व रामपाल मनोज विजय कुमार, वरुण, सुनील कुमार, जगदीप राणा, प्रजेश ठाकुर,अंकुर शर्मा, मुकेश पंडित, पुनीत को सदस्य मनोनीत किया गया। नव नियुक्त कमेटी ने फैसला लिया कि ढलियारा में दो दिवसीय मेले का आयोजन 23 व 24 सितंबर को किया जाएगा, जिसमें कई राज्यों के पहलवान अपना दम दिखाएंगे। बैठक में मेले को सफल बनाने के लिए कमेटी सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कमेटी की अगली बैठक शनिवार को खेल प्रांगण में होगी।
सोलन के रबौण, वशिष्ठ कॉलोनी, नेगी कॉलोनी, राधा स्वामी सत्संग भवन, बघाट बैंक, सनातन धर्म मंदिर, आंजी नसल, तपन मोटर्स, रेलवे स्टेशन एवं आस-पास के क्षेत्रों में 16 सितंबर को प्रात: 10 बजे से सायं 6.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
माप तोल विभाग देहरा द्वारा तराजुओं को मुहरे लगाने के लिए पंचायत घर ढलियारा में कैंप का आयोजन किया गया है। इसमें 14 सितंबर को चलाली सुकार, 15 सितंबर को बीहण अप्पर, बीहण नंगल बगली व 16 सितंबर को नलसुहा धौंटा कस्बा बड़ा सूरजपुर, चुनौता, डेहपुखर, हार मिटां, कडोल स्वारा एवं 18 सितंबर को बढ़ल ठौर, लोअर बढ़ल 19 व 20 सितंबर को नेहरणपुखर, बढूं और 21 को ढलियारा के दुकानदारों के तराजुओं का पंजीकरण व मुहरे लगाई जाएंगी। यह जानकारी मापतोल विभाग के इंस्पेक्टर नीरज भारती ने दी।
कांगड़ा जिला में आयुष्मान भव: अभियान 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलेगा। सीएमओ डॉ. सुशील शर्मा ने जोनल अस्पताल के सभागार में पत्रकार वार्ता में बताया कि इस अभियान के तहत आयुष्मान आपके द्वार, आयुष्मान मेला तथा आयुष्मान सभा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सभी स्वास्थ्य योजनाओं का व्यापक विस्तार सुनिश्चित करना है, जिससे उनका शत प्रतिशत लाभ लोगों को प्राप्त हो सके। सीएमओ ने कहा कि इसके अंतर्गत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाए जाएं ताकि इस स्वास्थ्य अभियान का फायदा सभी लाभार्थी उठा सकें। इसमें आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर द्वार जाकर पंजीकरण सुनिश्चित करेंगी। इसमें सभी जनमानस की आभा आईडी भी बनाई जाएगी। विभिन्न अस्पतालों में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। इसमें आशा वर्कर,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सोमवार से शुक्रवार तक घर-घर जाकर योग्य आबादी की टीबी कुष्ठ आदि रोगों की जांच करेंगें। इसमें परिवार नियोजन के कैम्प भी किए जाएंगे। सीएमओ ने बताया कि आयुष्मान सभा का आयोजन 17 सितंबर से 2 अक्तूबर को सभी पंचायतों एवं शहरी वार्डों में किया जाएगा, इसके माध्यम से पंचायत और वार्ड स्तर पर शतप्रतिशत आयुष्मान भारत कार्ड एवं आभा आईडी लक्ष्य पूरा किया जाएगा। इसके इलावा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता अभियान का संचालन किया जाएगा, जिसमें सभी संस्थानों का कायाकल्प के तहत मूल्यांकन किया जाएगा।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज हिंदी दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व एवं राज भाषा हिंदी पर एक विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि हिंदी भारत में संपर्क भाषा का कार्य करती है और कुछ हद तक पूरे भारत में आमतौर पर एक सरल रूप में समझी जाने वाली भाषा है। हिंदी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह जो बोली जाती है वही लिखी और पढ़ी भी जाती है जो अन्य भाषाओं के संदर्भ में नहीं है। प्राचार्य ने बताया कि हिंदी को सशक्त बनाने के लिए हमें अपनी व्यवस्था और व्यवहार दोनों में प्रतिदिन हिंदी को शामिल करना होगा। इस उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विकास कलोत्रा एवं दर्शन विभाग की प्राध्यापिका प्रो. रजनी देवी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए हिंदी दिवस क्यों मनाया जाता है? विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्रों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया तथा अपने भाषण के माध्यम से हिंदी भाषा का महत्व समझाया। भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्रा अंबिका ने प्रथम और साधना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में प्रो. रविंदर कुमार, प्रो. विकास कलोत्रा, डॉ. इंदर कुमार, प्रो. रजनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु प्राचार्य ने एनएनएस के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विकास कलोत्रा, प्रो. रजनी, उपस्थित प्राध्यापकों व छात्रों को बधाई दी।
- एसएमसी शिक्षकों के वेतन में 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी -अंशकालिक जलवाहकों का मानदेय भी 2000 रुपये बढ़ा -मुख्यमंत्री लघु दुकान कल्याण योजना- 2023 को मंजूरी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज यहां हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों, बोर्डों, निगमों के तहत विभिन्न समूह-सी पदों की भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित करने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की स्थापना करने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने विभाग को मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 1226 पद भरने का निर्णय लिया, जिसमें 877 पुरुष कांस्टेबल, 292 महिला कांस्टेबल और 57 कांस्टेबल ड्राइवर शामिल हैं। कैबिनेट ने एसएमसी शिक्षकों का मानदेय 2000 रुपये बढ़ाने का निर्णय लिया गया। 1 अप्रैल, 2023 से 2000 प्रति माह जिससे 2115 व्यक्तियों को लाभ होगा। इसके अलावा, शिक्षा विभाग में कार्यरत अंशकालिक जलवाहकों का मानदेय 2000 रुपये बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया। 3900 से रुपये 1 अप्रैल, 2023 से 4400 प्रति माह, जिससे 283 व्यक्ति लाभान्वित होंगे। मंत्रिमंडल ने अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उद्योग विभाग में खनन निरीक्षक के 12 पद, सहायक खनन निरीक्षक के 24 पद और खनन गार्ड के 38 पद भरने का भी निर्णय लिया। बागवानी विभाग में बागवानी विस्तार अधिकारियों के 50 पद भरने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में सांख्यिकी सहायक के 10 पद भरने को भी मंजूरी दी। कैबिनेट ने मुख्यमंत्री लघु दुकान कल्याण योजना- 2023 को मंजूरी दी और रुपये आवंटित करने का फैसला किया। योजना के तहत 40 करोड़ रु. यह योजना छोटे उद्यमियों और कौशल आधारित श्रमिकों जैसे मोची, दर्जी, नाई, मोबाइल रिपेयरिंग विक्रेता, सब्जी और फल विक्रेता आदि को अपने व्यवसाय के लिए ऋण प्राप्त करने के बेहतर अवसर प्रदान करेगी। राजस्व न्यायालय के मामलों के विलंबित निर्णयों के मुद्दे को संबोधित करने और विभाजन, सुधार, उत्परिवर्तन, अपील जैसे विभिन्न राजस्व कार्यों को सुव्यवस्थित करने के लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में हिमाचल प्रदेश भूमि राजस्व (संशोधन) विधेयक, 2023 लाने का निर्णय लिया गया। और जनता की सुविधा के लिए सीमांकन आदि। लंबित मूल्यांकन मामलों और बकाया जो मुकदमेबाजी के अधीन थे या अभी तक जीएसटी के तहत मूल्यांकन नहीं किया गया था, को निपटाने के लिए 1 अक्टूबर 2023 से 31 दिसंबर, 2023 तक हिमाचल प्रदेश सद्भावना विरासत मामले समाधान योजना, 2023 के तीसरे चरण को शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने राजस्व के अनुकूलन के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 से एचपीएसईबीएल, एचपीपीसीएल और ऊर्जा निदेशालय के संबंध में व्यापारिक रणनीतियों और बिजली के लेनदेन के समन्वय के लिए एकल ऊर्जा ट्रेडिंग डेस्क स्थापित करने का निर्णय लिया। इसने जलवायु, स्थलाकृतिक और अन्य संबंधित कारणों से मंदी की अवधि के दौरान ऊर्जा की कमी का प्रबंधन करने के लिए स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति, 2021 में संशोधन करने को भी मंजूरी दे दी। नए प्रावधान छत आधारित सौर परियोजनाओं की स्थापना को प्रोत्साहित करेंगे और बिजली उत्पादन में योगदान देंगे।
मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत जयसिंहपुर विधानसभा में नवयुक्त मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा की अध्यक्षता में सभी बूथों में जोन प्रभारी और भाजपा कार्यकर्ता द्वारा घर-घर जाकर मिट्टी एकत्रित की जा रही है। इस कार्यक्रम के तहत आज भटवारा, कोटलु, लाहट, भगेतर, डिब बूथ में घर घर जाकर कलश में मिट्टी एकत्रित की। इस मौके पर विस के पूर्व विधायक रविंद्र रवि, शिवनगर जोन प्रभारी अशोक कटोच व सभी बूथ अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा ने बताया कि मेरी माटी, मेरा देश के अंतर्गत हमारे देश के अमर बलिदानियों को याद करते हुए देश के कोने-कोने से 7500 कलशों में मिट्टी लेकर अमृत कलश यात्रा निकाली जा रही है। यह देश की राजधानी दिल्ली पहुंचेगी। इस मिट्टी से ही दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण होगा। इस अभियान का उद्देश्य उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों व वीरांगनाओं का सम्मान करना है, जिन्होंने देश के लिए अपने जीवन का बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा अपनी भूमि से जुड़कर और अपने नायकों का सम्मान करके यह कार्यक्रम राष्ट्रवाद की भावना पैदा करेगा और भावी पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में प्राचार्य महोदय उपेेंद्र शर्मा के संरक्षण में हिंदी दिवस का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर डॉ. नीतिका शर्मा एवं हिंदी विभाग के प्राध्यापक प्रो. योगेश पांडेय के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के सभी छात्र- छात्राओं तथा स्वयं सेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्नेह लता बीकॉम द्वितीय वर्ष, द्वितीय स्थान अंजलि बीकॉम तृतीय वर्ष एवं तृतीय स्थान महक बीकॉम प्रथम वर्ष ने हासिल किया। काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पलक बीकॉम प्रथम वर्ष, द्वितीय स्थान पल्लवी बीए प्रथम वर्ष एवं तृतीय स्थान शकुंतला बीए द्वितीय वर्ष ने प्राप्त किया। वहीं, सांत्वना पुरस्कार बीकॉम प्रथम वर्ष की रितिका ने हासिल किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आशीष बीकॉम द्वितीय वर्ष, द्वितीय स्थान मुस्कान बीए द्वितीय वर्ष एवं तृतीय स्थान सुमित बीकॉम तृतीय वर्ष ने हासिल किया। वहीं, बीकॉम तृतीय वर्ष के अंशुल व दामिनी बीए तृतीय वर्ष ने सांत्वना पुरस्कार हासिल किया। इस अवसर पर डॉ. शमशेर सिंह जी, प्रो. संजीव कुमार शर्मा जी, प्रो. राजेश जी, प्रो. नीतिका शर्मा जी, प्रो. शिखा धरवाल, प्रो. विवेकानंद शर्मा, प्रो. योगेश पांडेय जी उपस्थित रहे।
-एसपी बोले, चोरी किए गए सामान की जल्द होगी रिकवरी -न्यायालय ने तीनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत क्षेत्र में हुई चोरियों के संदर्भ में चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस बारे पुलिस थाना इंदौरा प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि सुरड़वां गांव की महिला कांता देवी ने 20 अगस्त को शिकायत पत्र दिया था कि उसके घर में 19 अगस्त को दिन के समय में ही चोरी हो गई थी। चोरों ने उसके स्वर्ण व चांदी के आभूषण चुरा लिए थे। मामले में पुलिस छानबीन कर रही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम में शामिल हवलदार देवेेंद्र सिंह, हवलदार राजकुमार, हवलदार मोंटी गुलेरिया, हबलदार संजय कुमार, कांस्टेबल रमन कुमार, कांस्टेबल रजनीश गुलेरिया ने मंड मंजवाह में नाका लगाया हुआ था कि इस दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर जा रहे दो युवकों को रोका तो उनके पास कुछ ऐसी वस्तुएं पाई गईं, जिनका प्रयोग चोरी आदि के लिए किया जाता है। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सब सच उगल दिया। दोनों युवकों ने चोरी की घटनाओंं को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली और चोरियों में एक अन्य साथी के शामिल होने की बात कही। जिस पर पुलिस टीम ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान कुलविंदर सिंह पुत्र अमरीक सिंह, निवासी गांव पिंड जलाला, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) तथा विल्सन पुत्र सतपाल सिंह, निवासी गांव पिंड टाला गढ़, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) पंकज पुत्र करतार सिंह, निवासी फत्तु बाग मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रुप में हुई है। न्यायालय ने तीनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी किए गए सामान की जल्द रिकवरी कर ली जाएगी।
- स्कूल चेयरमैन टीसी गर्ग व लूपिन गर्ग ने विशेष अतिथि के रूप में की शिरकत मातृभाषा हिंदी के प्रति अपने प्रेम भाव को प्रकट करते हुए द एसवीएन स्कूल बडोर घाटी में वीरवार को हिंदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें हिंदी अध्यापिकाओं लालिमा जोशी व रजना जुनेजा के निर्देशन में सभी विद्यार्थियों ने उत्साह व जोश से भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्या उमा यादव द्वारा की गई। कार्यक्रम में स्कूल चेयरमैन टीसी गर्ग व लूपिन गर्ग ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में बच्चों ने हिंदी भाषा पर कविताएं, भाषण, समूह गान प्रस्तुत किए। साथ ही हिंदी भाषा के कुछ रोचक तथ्यों को बता कर हिंदी ज्ञान में वृद्धि की। अध्यापकों व विद्यार्थियों ने पूरे दिन हिंदी भाषा का ही प्रयोग किया। कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन टीसी गर्ग ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि आज के समय में भले ही अंग्रेजी भाषा हर कदम पर आवश्यक हो गई हो पर हमें हिंदुस्तानी होने के नाते हिंदी भाषा का ज्ञान होना भी जरूरी है और इसे बोलने में हमें शर्म नहीं, बल्कि गर्व महसूस होना चाहिए।
जिला कुल्लू के भुंतर क्षेत्र में पुलिस ने नशे के साथ एक व्यक्ति को धर दबोचा है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस थाना भुंतर की टीम कहुधार के पास फोरलेन के समीप जिया में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से हेरोइन और एमडीएम नशा बरामद किया। एसपी ने बताया कि 35 वर्षीय सूरज प्रकाश निवासी वार्ड नंबर सात समीप गुरुद्वारा पारला भुंतर डाकघर व तहसील भुंतर जिला कुल्लू जिला के कब्जे से 5.15 ग्राम एमडीएम व 14.57 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है। व्यक्ति के विरुद्ध थाना भुंतर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
- बैठक में सिरमौर के युवा नेता व जिला चंबा के प्रभारी ओपी ठाकुर ने लिया भाग - कहा, संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा के साथ करूंगा काम जिला सिरमौर युवा कांग्रेस नेता, प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव व जिला चंबा के प्रभारी ओपी ठाकुर ने किल्लाड़ गांव में आयोजित युवा कांग्रेस की बैठक में भाग लिया। बता दें कि किल्लाड़ गांव प्रदेश के सबसे दुर्गम जनजातीय क्षेत्र भरमौर विधानसभा क्षेत्र के पांगी क्षेत्र में पड़ता है। उन्होंने इस बैठक में प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी के साथ संगठन की मजबूती को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। ओपी ठाकुर को हिमाचल युवा कांग्रेस द्वारा जिला चंबा का प्रभारी बनाया गया है और पिछले 3 दिनों से प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी के साथ ओपी ठाकुर बतौर जिला प्रभारी चंबा के दौरे पर हैं। ओपी ठाकुर ने बताया कि 3 दिनों में जिला चंबा में चंबा, भारमौर, चुराह व पांगी ब्लॉक युवा कांग्रेस की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बतौर जिला प्रभारी उन्हें जिला चंबा की जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा तथा संगठन की मजबूती के लिए कार्य किया जाएगा।
काम में कोताही बरतने पर सरकार ने लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कांगड़ा में बनेर खड्ड और हमीरपुर के जाहू में निर्माणाधीन पुल ढहने पर जूनियर इंजीनियर से लेकर अधिशाषी अभियंता समेत 14 इंजीनियरों और कर्मचारियों को चार्जशीट किया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने चार्जशीट थमाई। इनके खिलाफ विभाग अपने स्तर पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाएगा। एक ठेकेदार को एक साल के लिए ब्लैक लिस्ट भी कर दिया है। काम में कोताही बरतने के आरोप तय होने पर इनका वेतन व अन्य वित्तीय सुविधाएं छिन सकती हैं। डेढ़ साल पहले इन पुलों का निर्माण कार्य चल रहा था। काम के दौरान दोनों पुल ढह गए। विभाग ने इसकी जांच बिठाई। जांच कमेटियों की रिपोर्ट आने के बाद विभागीय चार्जशीट तैयार की गई। इसके बाद दोनों मामले सरकार को भेजे गए। अब सरकार ने इन इंजीनियरों को चार्जशीट करने के निर्देश दिए हैं। सूत्र बताते हैं कि जाहू पुल 75 मीटर लंबा था, जो कि तीन जगह से टूटा है। इंजीनियर इन चीफ अजय गुप्ता ने बताया कि दोनों पुलों का निर्माण ठेकेदारों को अपने पैसों से करना होगा। ऐसा नहीं किया तो ठेकेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
पांवटा साहिब विशेष क्षेत्र विकास योजना (साडा) की बैठक आज यहां उपायुक्त एवं अध्यक्ष साडा सुमित खिमटा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अनाधिकृत निर्माण व भवनों के बिजली व पानी के कनेक्शन काटने को लेकर संबंधित विभाग ने विस्तारपूर्वक चर्चा की। उपायुक्त ने कहा कि वर्ष 2022 से बिजली विभाग को बिजली का कनेक्शन उपलब्ध करवाने के लिये नगर नियोजन व साडा से अनापत्ति प्रमाण प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं है। इसी प्रकार जल जीवन मिशन में भी पानी के कनेक्शन के लिये किसी प्रकार के अनापत्ति प्रमाण की जरूरत नहीं है। नगर नियोजन विभाग ने कहा कि आठ प्लाट अथवा 2500 वर्गफुट भूमि जहां किसी भी प्रकार का निर्माण किया जाना हो, वहां रास्ते तथा पार्क की सुविधा होना जरूरी है और साडा इसपर लगातार नजर बनाए हुए है। साडा ने बैठक में अवगत करवाया कि अनाधिकृत तौर पर किये जा रहे निर्माण में बिना एनओसी के बिजली व पानी के कनेक्शन उपलब्ध करवाए जाने से इस प्रकार के निर्माण को प्रोत्साहन मिल रहा है और साडा किसी प्रकार की कार्रवाई करने में असमर्थ है। बैठक की कार्यवाही का संचालन सहायक नगर नियोजक साडा सोनिका पठानिया ने किया। उन्होंने अवगत करवाया कि पांवटा साहिब का लगभग आठ किलोमीटर परिधि का क्षेत्र नगर नियोजन के अंतर्गत आता है और इस क्षेत्र में किसी प्रकार के निमार्ण की स्वीकृति साडा से लेना अनिवार्य है। उन्होंने कहा हालांकि नगर नियोजन अधिनियम में किसी भी अनाधिकृत निर्माण को सील करने अथवा डेमोलिशन का प्रावधान निहित है। उन्होंने विभिन्न विभागों को जारी राशि के उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने को कहा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एल.आर. वर्मा, एसडीएम पांवटा साहिब गुुंजीत चीमा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
विदेशी सेब पर आयात शुल्क घटाए जाने पर हिमाचल के बागवान भड़क गए हैं। फैसल के विरोध में बागवान सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। बागवानों का मानना है कि इससे हिमाचल का सेब बाजार में पिट जाएगा। विदेशी सेब का आयात बढ़ेगा। अफगानिस्तान के रास्ते से आ रहे ईरान के सेब की मार हिमाचली सेब पर सबसे ज्यादा पड़ रही है। प्रदेश के बागवान सेब पर आयात शुल्क 100 फीसदी तक करने के लिए सरकार पर लंबे अरसे से दबाव बना रही है लेकिन आयात शुल्क घटाने पर बागवानों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। अमेरिका से भारत आने वाले सेब पर 35 फीसदी आयात शुल्क घटाए जाने की बात सामने आ रही है। बागवान संघ मुख्यमंत्री और बागवानी मंत्री के माध्य से यह मामला केंद्र से उठाएंगे। हिमाचल में हर साल 5,000 हजार करोड़ का कारोबार सेब से किया जाता है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सेब की अहम भूमिका रहती है। अधिकांश बागवानों की सालभर की कमाई भी सेब पर ही टिकी है। दूसरी ओर विदेशी सेब ने हिमाचल के बागवानों के सामने चुनौती खड़ी कर रखी है। पहले से ही बड़ी मात्रा में विदेशी सेब के आने से हिमाचल के सेब को अच्छे रेट नहीं मिल रहे हैं।
शुक्रवार से शिमला शहर के लोगों को प्राकृतिक खेती उत्पाद मिलना शुरू हो जाएंगे। 'प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजनाÓ के तहत उपभोक्ताओं को उनके घर के आसपास ही रसायन रहित फल-सब्जी एवं अन्य उत्पाद मिल सकें, इसके लिए पायलट आधार पर मोबाइल वैन की व्यवस्था की गई है। इस वैन के माध्यम से प्रत्येक शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश सचिवालय, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर और कृषि भवन में प्राकृतिक खेती उत्पाद उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के राज्य परियोजना निदेशक हेमिस नेगी ने आज यहां बताया कि इस पहल से शहर के लोगों को रसायन रहित उत्पाद उनके आसपास ही मिल सकेंगे। शुरूआत में चुनिंदा स्थानों पर ही प्राकृतिक खेती के उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे और उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने पर अन्य स्थानों पर भी इस वैन के जरिए उत्पाद बेचे जाएंगे। पायलट आधार पर शहर से सटे तीन विकास खंड बसंतपुर, टुटू और मशोबरा के किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती विधि से तैयार फल-सब्जी व अन्य उत्पाद इस वैन के माध्यम से उपलब्ध करवाए जाएंगे। उपभोक्ता हर शुक्रवार मोबाइल वैन के जरिए सचिवालय में एक से 2.30 बजे तक, प्रदेश विश्वविद्यालय समरहिल में 3 से 4 बजे तक एवं कृषि भवन में शाम 4.15 से 5.30 प्राकृतिक खेती विधि से उत्पादित रसायन रहित उत्पाद खरीद सकेंगे। कृषि विभाग की इस पहल के जरिए प्राकृतिक खेती में प्रमाणित किसानों के उत्पाद बेचे जाएंगे। इस पहल से शिमला जिला के 3 विकास खंडों के 200 से अधिक किसान सीधे तौर पर जुड़े हैं। आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) से जुड़े इन किसानों के उत्पाद बिना किसी मध्यस्थ के सीधे उपभोक्ता तक पहुंचाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत राज्य सरकार प्राकृतिक खेती के उत्पादों को बाजार मुहैया करवाने एवं किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है। प्रदेश में 1.71 लाख से अधिक किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं और 24,000 हैक्टेयर से अधिक भूमि पर इस विधि से कृषि-बागवानी कर रहे हैं। किसान अपना उत्पाद बेच सकें इसके लिए, अलग-अलग जिलों में सात किसान-उत्पादक कंपनियां भी खोली गई हैं।
कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सनवारा के दो छात्रों का चयन ओपन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। कक्षा नौवीं के दो छात्रों वीरेन गुलिया और रौनक गुलिया ने 26 अगस्त से आठ सितंबर तक डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज तुगलकाबाद, नई दिल्ली में आयोजित 42वीं नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया और ओपन नेशनल के लिए क्वालीफाई किया। रौनक गुलिया 360/400 और वीरेन गुलिया ने 357/400 स्कोर करके नॉर्दन इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर स्कूल का नाम रोशन किया है। इससे पहले तीन अगस्त से नौ अगस्त तक पोंडिचेरी में आयोजित लड़कों और लड़कियों की सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भी स्कूल ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में किपस की आठवीं कक्षा की छात्रा तन्वी ठाकुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। स्कूल के विद्यार्थियों के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए स्कूल के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद और उप-प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर ने स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
सोलन ज़िला में केंद्रीय मंत्रालयों की विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा एवं अनुश्रवण के लिए ज़िला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक 14 सितंबर को प्रात: 11.00 बजे उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप करेंगे। बैठक उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त एवं ज़िला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अजय कुमार यादव ने दी।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन के कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार कुछ वाहनों की नीलामी 26 सितंबर को की जानी है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने दी। उन्होंने कहा कि उपायुक्त कार्यालय सोलन परिसर में 26 सितंबर को प्रात: 11.30 बजे नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसमें 05 जिप्सी मॉडल 2007, 2004 तथा 1992 की नीलामी की जाएगी। उन्होंने कहा कि नीलामी से संबन्धित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिला नाजर शाखा के कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-223702-3 एक्सटेंशन नंबर 209 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
भविष्य के कानूनी दिग्गजों को प्रेरित करने के उद्देश्य से एक उल्लेखनीय पहल में, शूलिनी विश्वविद्यालय के कानूनी विज्ञान संकाय के बीएएलएलबी और एलएलबी छात्रों द्वारा जिला न्यायालय परिसर, सोलन में राष्ट्रीय लोक अदालत में एक दिन के दौरे का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम का समन्वय जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया था और छात्रों को वैकल्पिक विवाद समाधान की जटिलताओं और लोक अदालतों के कामकाज को समझने का अवसर प्रदान किया गया । कानूनी विज्ञान संकाय में सहायक प्रोफेसर विनीत कुमार और छात्रों की एक टीम ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला और सत्र न्यायाधीश, साथ ही न्यायिक मजिस्ट्रेटों के कक्षों में ककज को बारीकी से समझा । छात्रों ने लोक अदालत की कार्यवाही भी देखी, जिसमें वैवाहिक मामले, संविदात्मक विवाद, बैंकिंग असहमति और यहां तक कि कुछ समझौता योग्य आपराधिक मुद्दों सहित विविध प्रकार के मामले शामिल थे। अपनी यात्रा के दौरान, छात्रों को सौहार्दपूर्ण विवाद समाधान की सुविधा के लिए न्यायाधीशों और वकीलों द्वारा नियोजित मध्यस्थता कौशल सीखने का सौभाग्य मिला। लोक अदालत मामलों की अध्यक्षता करने वाले न्यायाधीशों ने छात्रों के साथ बातचीत की और उदारतापूर्वक मध्यस्थता, और लोक अदालत की कार्यवाही पर अपनी अंतर्दृष्टि साझा की। इस अनूठे अवसर ने छात्रों को कक्षा से परे व्यावहारिक अनुभव और कानूनी प्रक्रियाओं की अमूल्य समझ प्रदान की। शूलिनी विश्वविद्यालय में कानूनी विज्ञान संकाय के डीन डॉ. नंदन शर्मा ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल कानूनी ज्ञान प्रदान करना नहीं है बल्कि सहानुभूतिपूर्ण और प्रभावी कानूनी पेशेवर तैयार करना है जो समाज में बदलाव ला सकें। राष्ट्रीय लोक अदालत का यह दौरा उस दृष्टिकोण की दिशा में एक कदम था, जिससे हमारे छात्रों को कानूनी सिद्धांतों और वैकल्पिक विवाद समाधान विधियों के वास्तविक दुनिया के अनुप्रयोग को देखने का मौका मिला।
शिव शक्ति यूथ क्लब कडोआ 19 व 20 सितंबर को दो दिवसीय देहाती टूर्नामेंट करवाने जा रहा है, जिसमें कबड्डी और वॉलीबाल की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। क्लब की ओर से वॉलीबाल की विजेता टीम को 11 हजार व उप विजेता टीम को 9100 रुपये देने का फैसला किया है, जबकि कबड्डी विजेता टीम को 7100 व उप विजेता टीम को 5100 रुपये दिए जाएंगे। क्लब के पदाधिकारियों ने अपील की है कि उप मंडल भर की कोई भी देहाती या स्कूली टीम इसमें भाग ले सकती है। ज्यादा जानकारी के लिए 8988063001 पर संपर्क कर सकते हैं।
-17 संगठनात्मक जिला अध्यक्षों की भी हुई घोषणा - अध्यक्ष तिलक बोले- युवा जोश और अनुभव के साथ युवा मोर्चा और मजबूत एवं शक्तिशाली होगा शिमला, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के उपरांत युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। तिलक राज ने घोषणा की कि प्रदेश उपाध्यक्ष भुवनेश ठाकुर, सुशील कडशोली, भवानी सिंह पठानिया, सुनील नेगी और नीलम कुमारी होंगे। वहीं, प्रदेश महामंत्री सन्नी शुक्ला और साकेश शर्मा होंगे।प्रदेश सचिव जगदीप शर्मा, पृथ्वी राज ठाकुर, हर्ष सूद, रोहित ठाकुर, करनैल सिंह और नरेंद्र ठाकुर होंगे। प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहर चंद भारद्वाज (मोनू) नियुक्त किए गए। प्रदेश कार्यालय सचिव विनिल पाल होंगे। मुख्य प्रवक्ता अजय चौहान, प्रवक्ता देवेंद्र ठाकुर, सौरभ धीमान, कमल सैणी, देवेेंद्र राणा, विनय छिंटा, मुस्कान, दीक्षा वर्मा और अरूण चौहान समराण होंगे। मीडिया प्रभारी अमित होंगे उनके साथ सह मीडिया प्रभारी आशीष ठाकुर, साहिल, हरप्रीत सैणी, अरविंद कुमार, सुनील शर्मा और अभिमन्यु भागड़ा होंगे। सोशल मीडिया संयोजक अभिनव ठाकुर, सह संयोजक अजय राणा, आईटी संयोजक कर्तव्य वैद्य, सह संयोजक रीना नड्डा होंगे। तिलक राज ने बताया कि युवा मोर्चा ने 17 संगठनात्मक जिला के जिला अध्यक्षों की घोषणा की जिसमे जिला चंबा का जिला अध्यक्ष विनायक रैणा, कांगड़ा तपन मंहास, नूरपुर राहुल कालिया, देहरा रमन शर्मा, पालमपुर राकेश कुलेठी, लाहौल स्पीति राहुल धुंशी, कुल्लू जनेश ठाकुर, मंडी योगेश ठाकुर, सुंदरनगर उत्कर्ष चौधरी, हमीरपुर कपिल मोहन शामा, ऊना संदीप शर्मा, बिलासपुर मनोज कुमार, सिरमौर रणवीर सिंह ठाकुर, सोलन भूपेेंद्र ठाकुर, महासु अतुल शर्मा, शिमला हनीश चोपड़ा और किन्नौर ललित मोहन जिला अध्यक्ष होंगे। इस अवसर पर तिलक राज ने कहा कि युवा जोश और अनुभव के साथ युवा मोर्चा और मजबूत एवं शक्तिशाली होगा। युवा मोर्चा संगठन को मजबूत बनाते हुए, प्रदेश के युवाओं के हक के लिए लड़ेगा।
- हमीरपुर विधानसभा के बूथ 28 व 31 में घर-घर जाकर एकत्रित की मिट्टी -माटी से दिल्ली के कर्तव्य पथ पर अमृत वाटिका का होगा निर्माण देशभर में मनाए जा रहे 'मेरी माटी, मेरा देश' कार्यक्रम के अंतर्गत हमीरपुर विधानसभा के बूथ 28 व 31 में कौशल विकास निगम के पूर्व वाइस चेयरमैन नवीन शर्मा के नेतृत्व में घर-घर जाकर मिट्टी एकत्रित की गई। इस दौरान नवीन शर्मा ने कहा कि देश भर की पंचायतों व शहरों से मिट्टी एकत्रित कर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों व वीरांगनाओं का सम्मान करना है, जिन्होंने देश के लिए अपने जीवन का बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि 'मेरी माटी, मेरा देश' कार्यक्रम लोगों को राष्ट्रवाद की भावना से जोड़ता है। अपनी भूमि से जुड़कर और अपने नायकों का सम्मान करके यह कार्यक्रम राष्ट्रवाद की भावना पैदा करेगा और भावी पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। 15 सितंबर तक यह अभियान चलेगा, जिसके अंतर्गत हमीरपुर के सभी 94 बूथों पर घर-घर जाकर मिट्टी एकत्रित की जाएगी।
उपायुक्त आशुतोष गर्ग की अध्यक्षता में आज जिला परिषद हाल में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एक बैठक का आयोजन किया गया बैठक में हाल की आपदा में क्षतिग्रस्त सड़क सहित सड़क सुरक्षा आदि विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को 22 सितंबर तक कुल्लू -मनाली सड़क को डबल लेन ट्रैफिक के लिए तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की दोनों तरफ़ की आवाजाही में कोई अवरोध उत्पन्न न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलाई जा सके।साथ ही मनाली तक वॉल्वो बसों की सुचारू आवाजाही बनाई जा सके। उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को कुल्लू मनाली क्षतिग्रस्त एनएच के मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा श्रम शक्ति बढ़ाने को कहा ताकि निर्धारित समय में 7 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जा सके। उपायुक्त ने एनएचएआई के अधिकारियों को हाथीथान स्थित हाईवे पर पानी की निकासी को ब्यास नदी तक पहुंचाने के लिए पुख्ता व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए ताकि भविष्य में भारी वर्षा की स्थिति में भी पानी का भराव लोगों के घरों की ओर न हो। उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष बरसात में टकोली _कुल्लू मार्ग के मध्य में कई घरों में दरारें आई हैं, उन्होंने एनएचएआई व उपमंडल अधिकारी कुल्लू को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए ताकि प्रभावितों को मुआवजा प्रदान किया जा सके। बैठक में बताया की हाथीथान स्थित उठाऊ सिंचाई योजना का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने जल शक्ति विभाग इस परियोजना को क्रियाशील कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने आश्वासन दिया कि सड़क को जल्दी से जल्दी डबल लेन संचालन के लिए तैयार कर लिया जाएगा और श्रम शक्ति को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा की कुल्लू मनाली एनएच को 22 सितंबर तक इसे डबल लेन यातायात संचालन के लिए तैयार कर लिया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस समय कुल्लू-मनाली की मरम्मत के लिए मशीनरी के साथ साथ 200 मजदूर कार्य कर रहे हैं। मरम्मत कार्य पर नजर रखने के लिए प्रोजेक्ट मैनेजर आदित्य धर की विशेष पोस्टिंग की गई है। उनके साथ साइट इंजीनियर संदीप सिंह को भी तैनात किया गया है। इसके बाद उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त कुल्लू मनाली एन एच के शिरड, 14 मील, 16 मील, कलाथ, बरान, ग्रैंड होटल क्षेत्र, आलू ग्राउंड, वोल्वो बस स्टैंड आदि क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण भी किया। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त शशि पाल नेगी ने किया। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार, एसडीएम विकास शुक्ला, एसडीएम मनाली रमन शर्मा सहित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
झूठ बोलकर सत्ता में आने वाले लोग सेब की इंपोर्ट ड्यूटी को लेकर बोल रहे हैं झूठ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रियंका गांधी का हिमाचल की राजधानी शिमला में घर भी हैं। उन्हें आपदा में पहले आ जाना चाहिए था। हिमाचल के लोग उनका बहुत बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उनके द्वारा दी गई चुनावी गारंटियां सरकार बनने के बाद कांग्रेस भूल गई। पहली कैबिनेट में ही एक लाख सरकारी नौकरी देने का हिमाचल के युवा इंतज़ार कर रहे हैं। सरकार को बने नौ महीन हो गए न महिलाओं को सम्मान निधि मिली और न ही युवाओं को रोजगार। जो पिछली सरकार में दिये गए थे उसे भी छीन लिया गया है। प्रियंका गांधी हिमाचल में आई लेकिन आपदा प्रभावितों के लिए राज्य सरकार से क्या राहत दिलवाई, इसके बारे में भी उन्हें बताना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सेब पर इंपोर्ट ड्यूटी घटाने से हिमाचल के बागवानों को कोई नुकसान नहीं है। यह सरकार कोरा झूठ बोल रही है। कांग्रेस सरकार झूठ के सहारे सत्ता में आई है और अभी भी लगातार झूठ बोलने का ही काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी सेब 75 रुपये कम के मूल्य से भारत में आ ही नहीं सकता है। इसके बाद ट्रांसपोर्ट समेत अन्य खर्चे अलग हैं। इसलिए कांग्रेस के लोग बाग़वानों को बरगलाना बंद करे और यह बताए कि उनके 'किसान ही तय करेंगे सेब के दामÓ वाला दावा कहां गया। जो कांग्रेस सड़कें न खुलने की वजह से सेब फेंकने वाले बाग़वान पर एक लाख का जुर्माना लगा रही है। उनके मुंह से बाग़वान की बात अच्छी नहीं लगती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अमेरिकन सेब पर 20 प्रतिशत इंपोर्ट ड्यूटी मोदी सरकार ने अमेरिकी सरकार द्वारा एल्युमिनियम और स्टील से जुड़े उत्पादों पर इंपोर्ट ड्यूटी लगाने के विरोध में जवाबी कार्रवाई में लगाई थी। जब वह ड्यूटी अमेरिकन सरकार ने हटा ली तो उसे भारत सरकार ने भी हटा लिया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों को बरगलाना बंद करे और बाग़वानों के लिए दी गई गारंटियों को पूरा करने का काम करे। जयरम ने कहा कि प्रियंका गांधी का हिमाचल में घर है। पूरा प्रदेश आपदा की चपेट में था। प्रियंका गांधी को हिमाचल पहले आना चाहिए था। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को ख़ुद से चीजें पता करने के बाद बोलना चाहिये न कि हिमाचल के नेताओं के कहने पर। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश का भरपूर सहयोग किया है। मुख्यमंत्री केंद्र के सहयोग को पीड़ितो तक पहुंचाने का कष्ट करे। यह सभी बातें नेता प्रतिपक्ष ने शिमला में मीडिया से बात करते हुए कहीं।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल की अध्यक्षता में विद्यार्थियों के लिए साईबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रसायन विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. इंदर ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध और सुरक्षा विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साईबर काईम एक ऐसा अपराध है जिसमें कंप्यूटर और नेटवर्क के जरिये की जाने वाली अवैध गतिविधियों जैसे ऑनलाईन ब्लैकमेल करना, धमकी देना कंप्यूटर वायरस फैलाना अनधिकृत पैसे ट्रासफर करना, बाटा की चोरी करना, वेबसाईट हैक करना जिसमें डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड स्कैम, सिम स्वैप सूचना की चोरी इत्यादि शामिल है। पिछले कुछ वर्षों में विद्यार्थियों की इंटरनेट और समार्टफोन तक पहुंच आसान हो गई है। इसके साथ-साथ साईबर अपराध में भी बढ़ोतरी देखी गई है। डॉक्टर इंदर ने विद्यार्थियों को बताया कि अपने मोबाईल फोन में किसी भी प्रकार का ओटीपी आए तो उसे शेयर न करें किसी भी प्रकार के लुआभने ईमेल्स और मैसेज के चक्कर में न पड़ें किसी भी प्रकार के फ्रॉड मैसेज न खोलें, अजनबी लिंक पर क्लिक न करें व अपना आधार कार्ड किसी भी तरह के कार्य हेतु जमा करवाते समय उसकी छाया प्रति पर अपना हस्ताक्षर करें तथा जिस के लिए आप यह लिए आप यह छाया प्रति जमा कर रहे है उसका उद्देश्य लिख दें।
-एडीसी ने धान फसल की खरीद को लेकर की बैठक आगामी धान की फसल को लेकर जिला स्तरीय उप समिति की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संबंधित विभागों के साथ धान खरीद को लेकर किए जा रहे प्रबंधों के संबंध में चर्चा की गई। महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि इस बार जिला में धान खरीद का कार्य 2 अक्तूबर से 25 दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि जिला में किसानों से धान खरीद के लिए टकारला और रामपुर में दो खरीद केंद्र खोले गए हैं। उन्होंने किसानों से भी आग्रह किया कि वे धान खरीद पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें ताकि किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे 48 घंटों के भीतर किसानों को उनकी फसल का भुगतान सरकार द्वारा ग्रेडिंग निर्धारित एमएसपी के हिसाब से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व विभाग को भी निर्देश दिए कि यदि किसानों को भूमि से संबंधित फर्दों में कोई दिक्कतें आ रही है तो एसडीएम के माध्यम से जल्द निदान करना सुनिश्चित करें ताकि उन्हें अपनी धान की फसल को बेचने में किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर क्षेत्र प्रबंधक संजीव वर्मा, डीएफएससी राजीव शर्मा, उप निदेशक कृषि कुलभूषण धीमान, सचिव एपीएमसी भूपेंद्र सिंह, एआरटीओ अशोक कुमार, एडीआईओ भूपेंद्र सिंह, मोहित धीमान सहित अन्य उपस्थित रहे।
ब्यास नदी की तर्ज पर ऊना जिला के स्वां नदी में चल रहे क्रशरों पर लगे पूर्ण प्रतिबंध हिमाचल प्रदेश में भारी प्राक्रतिक आपदा के बाद भी माफिया खड्डों में खनन सामग्री एकत्रित करने से बाज नहीं आ रहा है। यह बात समाजसेवी मनीष शारदा ने कही। उन्होंने कहा कि गगरेट विस क्षेत्र में जगह जगह खड्डों में खनन सामग्री के बढ़े-बढ़े ढेर माफिया ने लगाए हुए हैं, जिसकी कोई जानकारी प्रशासन के पास नहीं है और प्रशासन आंखे मुंधे खड़ा है। उन्होंने कहा कि गगरेट विस क्षेत्र में खनन माफिया इतना हावी था कि प्रशासन को क्यूआरटी लगानी पड़ी और मरवाडी में क्यूआरटी लगने के बाद माफिया पांवड़ा रोड और सलोह के माध्यम से पैर पसार रहा है और पंजाब में खनन सामग्री पहुंचा रहा है। क्यूआरटी के फैसले का स्वागत करते हुए इसे 31 दिसंबर तक लगाये रखा जाना चाहिए और ओवरलोड एवं मॉडीफाइड टिप्परों पर पूर्ण रोक लगी रहे। उन्होंने माइनिंग विभाग कि कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि आखिर खनन माफिया के फन फैलाने के बावजूद भी कहीं नजर नहीं आ रहा है और विभाग आंकड़े जारी करे कि गगरेट में कितने चालान किये क्या कार्रवाई की है। जहां पूरे प्रदेश में पंद्रह सितंबर तक खनन पर पूर्ण प्रतिबंध है बावजूद इसके भी लोग खनन सामग्री एकत्रित कर नियमों कि धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसके सरंक्ष्ण में यह खनन माफिया फन फैला रहा है और इस आपदा कि घड़ी में चंद चांदी के सिक्कों के लिए खड्डों का सीना छलनी कर रहे हैं, आखिर क्यों इस त्रासदी के बाद भी माफिया प्रदेश कि सम्पदा को नुक्सान पहुंचा रहा है, इस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और ब्यास नदी की तर्ज पर ऊना जिला के स्वां के सीने पर चल रहे क्रशरों पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
- कहा, बयानों से सामने आ रही घमंडिया विपक्ष की मानसिकता - प्रियंका गांधी के हिमाचल दौरे को फोटाग्राफी दौरा दिया करार - बोले, दिल्ली में मुख्यमंत्री के सुर कुछ और, हिमाचल में कुछ और सनातन को खत्म करने संबंधी विपक्ष के नेताओं के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। सुलह क्षेत्र के विधायक व कांगड़ा-चंबा भाजपा के प्रभारी विपिन सिंह परमार ने सनातन संबंधी बयान पर कांग्रेस पार्टी दयानिधि स्टालिन और मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे के साथ है या नहीं, इस पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। बुधवार को धर्मशाला में प्रेस वार्ता में परमार ने कहा कि विभिन्न दलों के गठबंधन को घमंडिया की संज्ञा दी गई है, ऐसे में सनातन पर दिए गए बयानों से घमंडिया विपक्ष की मनोभावना स्पष्ट हो जाती है। परमार ने कहा कि सनातन आदि अनंत है, उसे कोई नहीं मिटा सकता। परमार ने कहा कि आपदा के दो माह बाद प्रियंका गांधी हिमाचल दौरे पर हैं, कांग्रेस नेता उन्हें आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करवा रहे हैं, जबकि प्रियंका गांधी का यह दौरा फोटाग्राफी दौरा है। परमार ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्वारा भोज में भाग लेकर लौटने पर सीएम कह रहे हैं कि वह प्रदेश की बात रखने गए थे। दिल्ली में उनके सुर कुछ और हिमाचल में कुछ और होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सीएम और उनके मंत्री आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पर्यटक बनकर घूम रहे हैं, जबकि प्रभावितों को राहत नहीं मिल पाई है।
सिरमौर जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष वीरेन्द्र जालटा ने आज यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आपदा राहत कोष-2023 के लिए एक लाख रुपये का चेक उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की उपस्थिति में भेंट किया। मुख्यमंत्री ने अंशदान के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के योगदान आपदा प्रभावितों की मदद में अमूल्य हैं। उन्होंने लोगों से आपदा राहत कोष के लिए उदारतापूर्वक अंशदान का आग्रह भी किया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस शिलाई के अध्यक्ष अरूण ठाकुर, पच्छाद युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष भगनाल और सिरमौर जिला युवा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
जिला सोलन की सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक में ज़िला के सात स्थानों एवं ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य की नई दुकानें खोलने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी आज यहां ज़िला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र कुमार धीमान ने दी। उन्होंने कहा कि समिति के निर्णय के अनुसार जिला के विकास खंड नालागढ़ की ग्राम पंचायत बायला के गांव बायला, ग्राम पंचायत मानपुरा के गांव ठेडा तथा ग्राम पंचायत बारियां के गांव महुआ, विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत गोयला के गांव छमकड़ी, छावनी क्षेत्र कसौली के कसौली, विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत कसौली-गढ़खल के गांव कसौली तथा नगर निगम सोलन के शिल्ली रोड़, वार्ड नंबर 9 उचित मूल्य की नई दुकानें खोली जानी हैं। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं इन स्थानों पर उचित मूल्य की दुकानें खोलने के लिए ऑनलाईन माध्यम से आवश्यक सूचना एवं अन्य दस्तावेज़ वेबसाइट पर अपलोड कर आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं को इस कार्य के लिए वेबसाइट का उपयोग करना होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 सितंबर निर्धारित की गई है। धीमान ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम के अतिरिक्त किसी भी अन्य माध्यम आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आवेदन करने की न्यूनतम योग्यता दसवीं पास तथा व्यक्तिगत आवेदनकर्ता की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवश्यक दस्तावेजों के बिना आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे। अधिक जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय में आकर अथवा दूरभाष नम्बर 01792-224114 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिला दंडाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा ने हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी रोकथाम आदेश, 1977 के खंड 3 (आई) (ई) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ज़िला सोलन में विभिन्न खाद्य वस्तुओं के अधिकतम खुदरा मूल्य निर्धारित करने के संबंध में अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि अधिकतम खुदरा मूल्य में खाद्य वस्तुओं के सभी कर एवं अन्य आकस्मिक प्रभार सम्मिलित होंगे। अधिसूचना के अनुसार बकरा एवं भेड़ा का मीट 500 रुपये प्रति किलोग्राम, सुअर का मीट 250 रुपये प्रति किलोग्राम, चिकन ड्रेस्ड 200 रुपये प्रति किलोग्राम, ब्रॉइलर ड्रेस्ड 200 रुपये प्रति किलोग्राम, बिना तली मछली 250 रुपये प्रति किलोग्राम, तली हुई मछली 300 रुपये प्रति किलोग्राम, जीवित चिकन का मूल्य 150 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया गया है। अधिसूचना के अनुसार तंदूरी चपाती प्रति 8 रुपये, तवा चपाती प्रति 7 रुपये, भरा हुआ परांठा प्रति 30 रुपये, चावल, चपाती, दाल और सब्जी फुल डाइट प्रति 80 रुपये, पूरी प्लेट चावल फुल प्लेट 50 रुपये, दाल फ्राइ प्रति प्लेट 60 रुपये, मीट करी प्रति प्लेट 120 रुपये, चिकन करी प्रति प्लेट 100 रुपये, सब्जी स्पेशल प्रति प्लेट 70 रुपये, मटर/पालक पनीर प्रति प्लेट 90 रुपये, सब्जी/चना एवं दही के साथ दो पूरी प्रति प्लेट 50 रुपये तथा रायता का मूल्य प्रति प्लेट 50 रुपये निर्धारित किया गया है। इस अधिसूचना के अनुसार स्थानीय दूध 45 रुपये प्रति लीटर, सभी ब्रांड का पैकेट वाला दूध मुद्रित मूल्य के अनुसार उपलब्ध होगा। पनीर 280 रुपये प्रति किलोग्राम तथा दही का मूल्य 65 रुपये प्रति किलोग्राम मूल्य तय किया गया है। सभी ब्रांड के शीतल पेय मुद्रित दर के अनुसार उपलब्ध होंगे। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि एक प्लेट मीट/चिकन करी में 200 ग्राम मीट के टुकड़े अर्थात् न्यूनतम 5 पीस एवं 100 ग्राम शोरबा होना चाहिए। मटर पनीर, पालक पनीर इत्यादि में 100 ग्राम पनीर होना चाहिए। ब्रेड, दूध जैसे पैकेट बंद पदार्थों पर मूल्य एवं पैकिंग की तिथि निर्धारित अधिसूचना के अनुसार होनी चाहिए। प्रत्येक दुकानदार को बिक्री के लिए रखे गई खाद्य वस्तुओं की मूल्य सूची सहज दृश्य स्थल पर प्रदर्शित करना व इसके समस्त खरीद से सम्बन्धित बिल दुकानदार द्वारा रखना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता की मांग पर उन्हें कैश मेमो या बिल देना होगा। यह अधिसूचना आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने की तिथि से एक महीने की अवधि तक मान्य होगी।
भारत सरकार द्वारा संचालित पोस्ट मेट्रिक की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से बच्चों को सही जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में एक व्याख्यान आयोजित किया गया। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में परियोजना अधिकारी प्रो. शिखा धरवाल एवं प्रो. विवेकानंद शर्मा द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। इस विशेष जानकारी के अंतर्गत आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से सम्बन्धित विभिन्न प्रकार की योजनाएं शामिल रहीं। इन योजनाओं से अधिक से अधिक लाभ किस प्रकार से लिया जा सकता है तथा इसके क्या क्या मानदंड हैं इस पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. उपेंद्र शर्मा ने इस सफल आयोजन के लिए इस विशेष समिति के सदस्यों को बधाई दी। इस उपलक्ष्य पर डॉ. शमशेर राणा, प्रो. संजीव शर्मा, डॉ. नीतिका शर्मा, डॉ उज्ज्वल सिंह प्रो. राजेश, प्रो. योगेश पांडे उपस्थित रहे।
एएनटीएफ स्टेट सीआईडी कांगड़ा ने दो व्यक्तियों को 12.35 ग्राम एलएसडी के 550 (स्टैंप) के साथ गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ राज्य सीआईडी कांगड़ा रेंज ने 29 वर्षीय रॉकी मल्होत्रा और 28 वर्षीय मुकेश कुमार दोनों निवासी मोहाली पंजाब के कब्जे से 12.35 ग्राम की 30 लाख रुपये की एलएसडी के 550 (टिकट) पकड़े हैं। एलएसडी की व्यावसायिक मात्रा .1 ग्राम है। इस बाबत 12 सितंबर को एफआईआर नंबर 158/23 पर एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत पुलिस स्टेशन कांगड़ा में दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने शिमला शहर के शिव बावड़ी, कृष्णानगर और कनलोग स्थित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री और प्रियंका गांधी ने शिव बावड़ी में प्रभावितों से बातचीत कर उनसे संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश से हुए नुकसान की व्यापकता को देखते हुए केंद्र सरकार को इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण प्रदेश विकट स्थिति गुजर रहा है और राज्य में भारी क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए दिन-रात अथक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश की स्थिति की गंभीरता को नहीं समझ पा रही है। प्राकृतिक आपदा के कारण प्रदेश को भारी क्षति हुई है और इस समय राज्य सरकार को स्थितियां सामान्य करने के लिए केन्द्र सरकार से सहयोग की आवश्यकता है इसलिए केंद्र सरकार को राजनीतिक भेदभाव से दूर रह कर इस चुनौतीपूर्ण समय में राज्य के लोगों की उदारतापूर्वक मदद करनी चाहिए। उन्होंने इस विकट परिस्थिति में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर कार्य करने में प्रदेश की सहायता के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को संसद के विशेष सत्र की कार्य-सूची की जानकारी नहीं है परन्तु कांग्रेस पार्टी इस सत्र के दौरान हिमाचल के मुद्दे को उठाएगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार को कुछ अहम मामलों का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना चाहिए, केवल पार्टी आधार पर मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। केन्द्र सरकार को संकट के इस समय में राज्य को आपदा से उबारने में उदारतापूर्वक सहायता प्रदान करनी चाहिए। प्रियंका गांधी ने इस चुनौतीपूर्ण समय में प्रदेश के लोगों की एकजुटता और सहयोग की भावना की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी से निपटने के लिए हर क्षेत्र से लोग अपना मूल्यवान योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिले में सड़कों को पुन: बहाल करने के लिए महिलाओं के साथ-साथ अनेक लोग नि:स्वार्थ भाव से श्रमदान कर रहे हैं। लोगों के इस नि:स्वार्थ योगदान को देखकर उन्हें खुशी हुई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका से आयातित सेब पर शुल्क 35 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत करने से प्रदेश के सेब उत्पादकों पर प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि भारी तबाही के कारण कठिनाइयों से गुजर रहे प्रदेश के बागवानों के हितों की रक्षा करने के बजाय केंद्र सरकार अमेरिका की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़े व्यापारिक घराने हिमाचल प्रदेश में सेब की उपज की खरीद कम कीमतों पर कर रहे हैं, जिससे बागवानों को नुकसान हो रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों के बावजूद प्रभावित परिवारों को पूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है और राहत शिविरों में रहने वाले प्रभावित परिवारों को निश्चित किराया प्रदान करने का निर्णय लिया है ताकि उन्हें किराए पर उपयुक्त आवासीय सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा के दृष्टिगत राहत शिविरों में अस्थाई तौर पर रह रहे परिवारों को उपयुक्त आवासीय सुविधा प्रदान करने के लिए उन्हें आवास का निश्चित मासिक किराया उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में राहत शिविरों में अस्थाई तौर पर रह रहे परिवारों को आवास किराए पर लेने के लिए पांच हजार रुपये प्रतिमाह और शहरी क्षेत्रों में राहत शिविरों में रह रहे परिवारों को दस हजार रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जाएंगे। प्रदेश में भारी बारिश के कारण प्रभावित हुए परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए अस्थाई तौर पर कई जिलों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। इनमें से बहुत से शिविर स्कूलों और मेक शिफ्ट आवास में स्थापित किए गए हैं। इसके दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने अस्थाई शिविरों में शरण लेने वाले वाले परिवारों को उपयुक्त आवास किराए पर लेने के लिए प्रतिमाह निश्चित किराया प्रदान करने का निर्णय लिया है। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, उपायुक्त आदित्य नेगी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
-यूट्यूब चैनल की प्रोमोशन करने का दिया था टास्क घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से कमाई करने के चक्कर में भवारना के एक युवक ने 11 लाख रुपये लुटा दिए। युवक को शातिरों ने यूट्यूब चैनल की प्रोमोशन करने का टास्क दिया था। युवक को अपने झांसे में लेने के लिए शातिरों ने पहले युवक को 1,000 रुपये के बोनस का लालच दिया था। वहीं, इस संदर्भ में पीड़ित युवक ने अज्ञात लोगों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन नार्दन रेंज धर्मशाला में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुमित कुमार निवासी भवारना को टेलीग्राम पर ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे नौकरी करने का ऑफर आया, जिसे युवक ने स्वीकार कर लिया। इस दौरान युवक को एक यूट्यूब चैनल की प्रोमोशन करने का टास्क दिया गया था। युवक ने पहले पांच हजार रुपये लगाए यानी इन्वेस्ट किए थे, जिसके चलते उसे पहले टास्क को पूरा करने पर शातिरों की ओर से छह हजार रुपये दिए गए। इसके बाद वह उनके झांसे में फंस गया। युवक ने करीब पांच-छह अलग-अलग किस्तों में शातिरों के खाते में 11 लाख रुपये जमा करवा दिए, लेकिन उसे इसके बदले किसी प्रकार का कोई बोनस आदि नहीं दिया गया। वहीं अंत में युवक ने अपने साथ हुई ठगी के बारे में अज्ञात लोगों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन नार्दन रेंज धर्मशाला में मामला दर्ज करवा दिया है। इस संदर्भ में एएसपी साइबर क्राइम प्रवीन धीमान ने बताया कि युवक की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मौजूदा समय में शातिर लोगों को ठगने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। ऐसे में लोगों को इन शातिरों के झांसे में आने से बचना चाहिए। 26 दिन में शातिरों ने चार मामलों में ठगे 44 लाख साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन नार्दन रेंज धर्मशाला में पिछले 26 दिन में घर बैठे नौकरी दिलाने के नाम पर चार लोगों के साथ ठगी हो चुकी है। इस दौरान शातिर अब तक 48.83 लाख के करीब ठगी कर चुके हैं। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में पहला मामला 18 अगस्त को दर्ज हुआ था, जिसमें 20.53 लाख रुपये की ठगी की शिकायत की गई थी। वहीं, इसके बाद 30 अगस्त को दर्ज मामले में राजल के एक बुजुर्ग से 12 लाख, पांच सितंबर को डाडासीबा के युवक से 5.30 लाख और 12 सितंबर को भवारना के युवक से 11 लाख रुपये की ठगी के मामले सामने आए हैं।
प्रदेश कांग्रेस सचिव एडवोकेट तरुण पाठक ने शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप की आलोचना करते हुए कहा है कि वह और उनके सभी नेता प्रदेश की आपदा पर केवल घड़याली आंसू बहा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा के नेता केवल बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं। तरुण पाठक ने मंडी की सांसद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पर भाजपा सांसदों को आपदा में सहयोग के लिए लिखे पत्र पर दिए उनके बयान को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि प्रतिभा सिंह पर कोई भी टिप्पणी करने से पहले उन्हें शिमला संसदीय क्षेत्र के लोगों को यह बताना चाहिए कि उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों को केंद्र सरकार से क्या राहत पहुंचाई हैं। असल में केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश के प्रति अपनी आंखें बंद कर रखी हैं। अभी तक प्रदेश को कोई भी विशेष आर्थिक मदद केंद्र ने नही दी है, जबकि भाजपा के नेता इस बारे भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। तरुण पाठक ने प्रतिभा सिंह के आपदा राहत को लेकर किये जा रहें प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वह केंद्रीय मंत्रियों से मिल कर हर संभव प्रयास कर रही हैं,जबकि भाजपा के सांसद कोई भी सहयोग नही कर रहें हैं। अब जब उन्होंने प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिये एक पत्र लिखा है तो उन्हें इसकी मिर्ची लग रही है,क्योंकि लोगों के सामने उनकी पूरी पोल खुल रही हैं।
-अमेरिका के सोब पर आयात शुल्क कम करने पर जताई हैरानी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह प्रदेश के सेब बागवानों की कमर तोड़ने पर आमादा है। उन्होंने अमेरिका के वॉशिंगटन सेब के आयात शुल्क को कम करने पर हैरानी जताते हुए कहा है कि यह निर्णय पूरी तरह सेब बागवानी विरोधी है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावों के दौरान प्रदेश के बागवानों को भरोसा दिलाया था कि भाजपा उनके हितों की पूरी रक्षा करेगी,पूरी तरह खोखला साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विदेशी सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने व कृत्रिम जूस में 5 प्रतिशत सेब जूस मिक्स करने का जो आश्वासन दिया था, वह भी हवा हवाई साबित हुआ। प्रतिभा सिंह ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वदेशी का राग अलापते है तो दूसरी तरफ विदेशी सेब के निर्यात को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेब बागबानी से एक बहुत बड़ा वर्ग जुड़ा हैं। लगभग 6 से 7 हजार करोड़ की आर्थिकी के इस कारोबार से देश व हिमाचल प्रदेश के लाखों लोग प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से जुड़े हैं। इसलिए केंद्र की मोदी सरकार को देश व प्रदेश हित मे ही कोई फैसला लेना चाहिए। उन्होंने विदेशी सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने की गुहार लगाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री को प्रदेश के लोगों के साथ किये अपने वादे को पूरा करना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के साथ ही मंगलवार को समरहिल चौक पर सुबह सवा आठ बजे एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस घटना में एबीवीपी के कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। दोनों छात्र संगठनों ने एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराते हुए हथियारों से हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना के तुरंत बाद पुलिस और विवि की सुरक्षा में तैनात जवान मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाया। एसएफआई और एबीवीपी की शिकायत पर थाना बालूगंज में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक सुबह चौक पर दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते यह मारपीट में बदल गई। इसमें कुछ छात्र घायल हुए हैं, इसमें गंभीर चोटिल दो छात्रों का मेडिकल करवाया गया है। हिंसा की इस घटना के बाद पुलिस जवानों की क्यूआरटी पूरा दिन मौके पर तैनात रही। इस तरह की घटना फिर न हो, इसके लिए विवि परिसर में पूरा दिन बालूगंज थाना और समरहिल चौकी से पुलिस के जवानों को तैनात किया था। हर बार की तरह इस बार भी छात्र संगठन नया सत्र शुरू होने पर सुबह ही नए छात्र-छात्राओं के स्वागत और उन्हें लुभाने के लिए चौक तथा मुख्य गेट पर खड़े रहते हैं। ऐसे में छात्र संगठनों के बीच हर बार मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। हिंसा की ऐसी घटनाओं के चलते ही पूर्व में रही कांग्रेस सरकार ने दस साल पहले छात्र संघ चुनाव पर प्रतिबंध लगा दिया था।
प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अमेरिका से आयात होने वाले सेब पर आयात शुल्क 35 से घटाकर 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। यह प्रदेश के बागवानों के साथ अन्याय है। अब अमेरिका का सेब सस्ता मिलेगा और हिमाचल का सेब महंगा हो जाएगा। इससे यहां के सेब की खरीद भी कम हो जाएगी। प्रियंका ने केंद्र सरकार से इस शुल्क को दोबारा बढ़ाने की मांग उठाई है। वह मंगलवार को मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले आपदा प्रभावित देवरी गांव का दौरा करने बाद पत्रकारों से प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। प्रियंका ने कहा कि हिमाचल में उनका घर है और वह यहां अपनों का दुख बांटने आईं हैं। प्रदेश सरकार प्रभावितों की हरसंभव मदद कर रही है। सड़कों, हाईवे और फोरलेन का नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करना केंद्र सरकार का दायित्व है। केंद्र सरकार भी प्रदेश को आर्थिक मदद मुहैया करवाए और इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे। इससे काफी राहत मिलेगी। कई चीजें जिन्हें केंद्र सरकार कर सकती है और आपदा की घड़ी में केंद्र सरकार को आगे आना चाहिए। इसके लिए अपील भी की गई है। प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री से आग्रह है कि आपदा के समय प्रदेश के साथ राजनीति न करें। उनके साथ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री एवं जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी और अन्य मौजूद रहे। वाशिंगटन सेब पर आयात शुल्क कम करना बागवानों के साथ अन्याय उधर, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने नई दिल्ली में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि हिमाचल प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ है, जहां जीडीपी का लगभग 14 प्रतिशत सेब बागानों से आता है। आज वहां के लोगों को मदद की जरूरत है, लेकिन पीएम मोदी वाशिंगटन सेब पर आयात शुल्क कम करके पांच लाख से अधिक बागवानों के साथ अन्याय कर रहे हैं। जब पीएम मोदी प्रधानमंत्री नहीं थे तो कहते थे कि हिमाचल उनका दूसरा घर है और वाशिंगटन सेब पर 100 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया जाएगा। लेकिन जब वे पीएम बने तो रिपोर्टों के मुताबिक जी20 के दौरान केंद्र सरकार ने फैसला लिया कि वाशिंगटन के सेब पर केवल 15 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया जाएगा, जो कभी 70 प्रतिशत था।
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में 18 सितंबर तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में मानसून फिलहाल कमजोर बना हुआ है। 13 सितंबर को कुछ भागों में अंधड़ चलने व बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बीते 24 घंटों के दौरान नाहन में 49.1, सरहाली खड्डा बिलासपुर 33.4 व बिलासपुर केवीके में 23.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। उधर, जगह-जगह भूस्खलन से चलते राज्य में अभी भी 60 सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं। मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक 27 बिजली ट्रांसफार्मर भी बाधित थे। वहीं, मंगलवार को राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए रहे।
शिमला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-5 परवानू के पास रखरखाव के लिए मंगलवार की रात 11 बजे से अगले दिन बुधवार सुबह 3 बजे तक सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगी। पुलिस ने इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सूचित किया है कि शिमला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-5 पर परवानू के पास स्लाइडिंग जोन चक्की मोड़ में सड़क के रखरखाव के लिए 12 सितंबर, रात 11 बजे से दिनांक 13 सितंबर सुबह 3 बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क पूरी तरह से बंद रहेगी। शिमला पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि बहुत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने जेओए आईटी पेपर लीक मामले में नामित आरोपी नितिन आजाद की जमानत रद्द कर दी है। न्यायाधीश सुशील कुकरेजा ने अपने निर्णय में कहा कि नितिन गंभीर आरोपों का सामना कर रहा है। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है कि जमानत मिलने के बाद याचिकाकर्ता कानूनी परिणामों से बचने के लिए फरार हो सकता है। अदालत ने पाया कि जांच एजेंसी ने अभी तक मामले की जांच पूरी नहीं की है। एजेंसी का शक है कि वह किसी अन्य समानांतर मामले में संलिप्त हो सकता है। आरोपी नितिन के खिलाफ पुलिस थाना सतर्कता हमीरपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7ए, 8, 12 और 13(1)(ए) और भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 201 और 120बी के तहत मामला दर्ज है। अभिलाष कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को शिकायत की गई कि संजीव कुमार उर्फ संजय ने उसे जेओए (आईटी), पोस्ट कोड संख्या 965 की परीक्षा के पेपर चार लाख रुपये में बेचने की बात कही थी। उसके बाद शिकायतकर्ता ने संजीव कुमार उर्फ संजय की बातचीत रिकॉर्ड करनी शुरू कर दी। उसके बाद प्रश्नपत्र के लिए कीमत पर ढाई लाख रुपये में सौदेबाजी की गई। प्रश्नपत्र के लिए संजीव कुमार ने शिकायतकर्ता का परिचय निखिल नाम के व्यक्ति से करवाया। इसके बाद संजीव कुमार और निखिल ने प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी उपलब्ध कराने की पेशकश की। मामले की आगामी जांच में नितिन आरोपी पाया गया और उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। इससे पहले अप्रैल में भी आरोपी ने हाईकोर्ट के समक्ष जमानत याचिका दायर की थी, जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। प्लास्टिक अपशिष्ट के कार्यान्वयन की जानकारी दें सरकार हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने नियमानुसार प्लास्टिक अपशिष्ट का निष्पादन न करने पर कड़ा संज्ञान लिया है। अदालत ने राज्य सरकार से शपथपत्र के माध्यम से प्लास्टिक अपशिष्ट के कार्यान्वयन के संबंध में जानकारी तलब की है। न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान और न्यायाधीश रंजन शर्मा की खंडपीठ ने राज्य सरकार से पूछा है कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन (संशोधित) नियम, 2022 में इसके निष्पादन के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। मामले की सुनवाई 20 सितंबर को निर्धारित की गई है। अदालत ने राज्य सरकार को आदेश दिए हैं कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन (संशोधित) नियम, 2022 के तहत सक्षम प्राधिकारी के साथ पंजीकृत उत्पादकों, आयातकों और ब्रांड-मालिकों की संख्या अदालत के समक्ष स्पष्ट रूप से बताई जाए। इसके अलावा प्लास्टिक अपशिष्ट के निष्पादन के लिए चिन्हित स्थानों की जानकारी भी तलब की गई है। अदालत ने हिमाचल प्रदेश ठोस कचरा (नियंत्रण) अधिनियम, 1995 में उन व्यक्तियों या प्राधिकरणों की संख्या भी तलब की है, जिनके विरुद्ध अधिनियम के अंतर्गत जुर्माना लगाया हो। इसके अतिरिक्त अदालत ने प्रदेश के सभी ठोस कचरा संयंत्रों का निरीक्षण की रिपोर्ट दायर करने के लिए एक हफ्ते का समय दिया है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि अदालती आदेशों के बावजूद भी कचरे का निस्तारण नियमों के अनुसार नहीं किया जा रहा है। बता दें कि अदालत के समक्ष हिमाचल के अलग-अलग हिस्सों से अपशिष्ट प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट स्थापित करने के लिए स्थल विवाद और अनुपचारित सीवरेज और ठोस अपशिष्ट की रिहाई से जुड़ी याचिकाएं दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और इसके कार्यान्वयन पर अदालत को बताया गया कि हिमाचल प्रदेश 59 शहरी समूह के साथ भारत का सबसे अच्छा शहरीकृत राज्य है। लेकिन, कचरे की कम मात्रा भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती है। हिमाचल में 29 नगर परिषद और 5 नगर निगम है। कहीं भी कचरे का नियमानुसार निष्पादन नहीं किया जा रहा है।
श्री रामलीला कमेटी ने निकाली भव्य शोभा यात्रा 18 से अधिक आकर्षक झांकियों व बैंड पार्टियों ने श्रद्धालुओं का मन मोहा विशाल हनुमान जी, शिव जी, काली मां बने आकर्षण का केंद्र श्री राम लीला कमेटी ऊना द्वारा 11 दिवसीय रामलीला के आयोजन के उपलक्ष्य पर विशाल श्री बजरंगबली की शोभा यात्रा झंडा चढ़ाने की रस्म अदा करने पर आयोजित की गई। मुख्यालय पर श्री रामलीला कमेटी ऊना द्वारा गत 57 वर्ष से लगातार विशाल भव्य रामलीला का आयोजन दिन व रात को किया जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन 14 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक होगा। उसी के उपलक्ष पर झंडा चढ़ाने की रस्म अदा की गई और श्री हनुमान जी की विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया।पूरा शहर शोभायात्रा में श्री सिया राम जी, बजरंगबली जी,भोलेनाथ जी व राधा कृष्ण जी के जयकारों से गुज उठा। इस शोभा यात्रा में बजरंगबली की जय जयकार से उत्साह पूर्वक हुई। श्री रामलीला कमेटी द्वारा 18 से अधिक झांकियों व बैंड पार्टियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया, नाचते,गाते कीर्तन करते श्रद्धालु पूरे शहर का चक्कर लगाते हुए रामलीला मैदान में पहुंचे। शोभायात्रा सराय सुधरे से शुरू हुई, मुख्य बाजार के चौक पर शोभा यात्रा का शुभारंभ विधिवत रूप से कन्या के कर कमल से करवाया गया । शोभायात्रा में चेयरमैन श्री रामलीला कमेटी ऊना प्रिंस राजपूत, अध्यक्ष अविनाश कपिला, सलाहकार हरिओम गुप्ता, महामंत्री डॉक्टर सुभाष शर्मा, अश्विनी जेतिक, दिनेश गुप्ता, सुरिंद्र ठाकुर, ठाकुर ,राजीव भनोट, बलविंदर गोल्डी ,राजकुमार पठानिया ,पवन कालिया, शिव आंगरा, प्रदीप चड्डा, ओंकार कपिला,गणेश सांभर विशेष रूप से उपस्थित रहे। शहर में स्थान स्थान पर शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा भी की गई। श्री रामलीला कमेटी द्वारा निकाले जाने वाली इस श्री बजरंगबली जी की शोभायात्रा को लेकर विशेष श्रद्धा शहरवासिओं में रहती है। इसके चलते हजारों की संख्या में लोग ,घरों दुकानों से बाहर निकलकर शोभायात्रा को देखने उमड़े। शोभायात्रा में रामायण की चौपाइयां लगातार चलती रही, वहीं हनुमान जी आकर्षक रूप में शोभायात्रा का नेतृत्व करते रहे, साथ में झंडा पूरे शहर की परिक्रमा करते हुए निकला, कपूरथला से राघव एंड पार्टी ने भगवान महादेव की झांकी दिखाई, रघुवंशी झंडा लेकर घोड़ियां आकर्षक रूप से आगे चलती रही, गणपति जी रथ पर आकर्षक मुद्रा में रहे, बैंड पार्टियां आकर्षक धुनों के साथ शोभायात्रा के आकर्षण को बढ़ाती रही। इसी के साथ कीर्तन मंडली बाबा रूद्रानंद, जय हनुमान दुर्गा मंडली ,रात्रि देवी भजन मंडली की महिलाएं कीर्तन करती रही। मनी होशियारपुर विशेष आकर्षण हनुमान जी के रूप में रहे। राधा कृष्ण व माता की झांकियां आकर्षण रही। ओम आर्ट ग्रुप द्वारा नदी पर बैठे भगवान महादेव जी झांकी दिखाई गई ,काली व शिव खप्पर तांडव नृत्य सब ने पसंद किया । हनुमान जी व शिव बाहुबली रूप में पूरे शहर की परिक्रमा करते हुए श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए निकले श्री रामलीला मैदान ऊना लवली एंड पार्टी के गायक संजीव लवली व अक्षित श्री सियाराम, बजरंगबली जी के भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्र मुग्ध किया ।श्री अविनाश कपिला ने शोभायात्रा में सहयोग करने पर सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 14 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक 11 दिन तक दिन व रात की शोभा की श्री रामलीला का आयोजन होगा। जिसमें समस्त शहर वासियों का सहयोग रहता है। उन्होंने कहा कि वृंदावन से विशेष रूप से कलाकार श्री रामलीला का मंचन श्री रामचरितमानस के अनुसार करेंगे। वहीं इस अवसर पर विजय पूरी, मास्टर चमन लाल चौधरी, डॉक्टर कमल किशोर, मदन लाल शर्मा, हरविंदर मक्कड़ राजा, अनिल कपिला, शिव मैहन, ललित सामा, मनीष सांभर, राजन पूरी, हरिओम बैहल, दीपांकर पंकज कालिया,राकेश मैहन, अश्विनी आचार्य ,गोपाल कृष्ण, कार्तिक शर्मा, डॉक्टर अनुराग ,आशु पुरी, प्राणनाथ, तिलक मेहरा, राजेश धारी, मनमोहन ठाकुर सहित अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। लंगर प्रसाद किया वितरित श्री रामलीला कमेटी ऊना द्वारा श्री हनुमान की शोभायात्रा के उपलक्ष में भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालुओं ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
जिला ऊना भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया ने यहां जारी एक प्रेस बयान में बताया कि जिला ऊना भाजपा के अध्यक्ष बलवीर चौधरी ने जिला ऊना के समस्त भाजपा नेतृत्व से चर्चा के बाद जिला ऊना भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया बिंग के संयोजक के तौर पर ऊना के सूरज शर्मा को नियुक्त किया है। राजकुमार पठानिया ने कहा कि सूरज शर्मा की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से होगी। उन्होंने कहा कि जिला, मंडलों के संयोजक व कार्यकारी का गठन नेतृत्व से चर्चा के बाद सूरज शर्मा करेंगे। राजकुमार पठानिया ने सूरज शर्मा को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में सोशल मीडिया बिंग भारतीय जनता पार्टी की नीतियों का प्रचार बेहतर ढंग से करेगा, जिसमें सभी का सहयोग मिलेगा।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा की वजह से प्रदेश में हज़ारों लोगों का घर टूट गया। फसलें बर्बाद हो गई हैं, खेत बह गए हैं। लोग आपदा राहत शिविरों में रह रहे हैं। आपदा राहत शिविरों की हालत किसी से छुपी नहीं है। वहीं, सरकार उनकी मदद करने की बजाय हर रोज नई घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि अब बहुत हो चुका, लोगों को सच में राहत चाहिए। सरकारी वादे नहीं। इसलिए सरकार से आग्रह है कि प्रभावितों को राहत पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए। लोग पूछ रहे हैं कि राहत कब मिलेगी। लोग कह रहे हैं कि वह अपने गांवों में टेंट में रह लेंगे लेकिन राहत शिविरों में नहीं। राहत शिविरों की हालत किसी से छिपी नहीं हैं। इसलिए सरकार उन्हें जमीनें और बाक़ी सुविधाएं उपलब्ध करवाए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अभी भी सड़कें बंद पड़ी हैं। बागवान परेशान हैं। सेब और सब्जियां बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। सभी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। इसलिए सरकार से अनुरोध है कि इधर-उधर की बात करने के बजाय गंभीरता से काम करे। आपदा की आंड़ में सरकार अब अपनी नाकामियां नहीं छिपा सकती हैं। लोग सरकार के वादों के पूरा होने का इंतज़ार कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस का हर नेता कह रहा है कि केंद्र द्वारा कोई मदद नहीं की गई है। जबकि हजारों करोड़ रुपये केंद्र द्वारा आपदा राहत के विभिन्न मदों में दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के कांग्रेसी नेताओं को हिमाचल में केंद्र द्वारा दी गई मदद के बारे में ख़ुद पता करना चाहिए क्योंकि हिमाचल सरकार के लोग लगातार झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा सड़कों की मरम्मत से लेकर, नई सड़कों और फ़ोरलेन के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने हजारों करोड़ रुपये दिए हैं। आपदा राहत के लिए साढ़े सात सौ करोड़ दिये हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आपदा प्रभावितों के लिए तहत आवास दिये हैं, इसके पहले भी 5 हजार आवास दिये थे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2700 करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से आने वाले नेताओं को यह सब पता करना चाहिए, जिससे उन्हें हिमाचल के लोगों को झूठ न बोलना पड़े। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इतना सब कुछ करने के बाद हिमाचल सरकार में बैठे लोग मदद का आभार जताते हुए और सहयोग की मांग करने के बजाय उल्टी सीधी बातें कर रहे हैं। यह ठीक परंपरा नहीं हैं।


















































