हिमाचल प्रदेश के 20 शिक्षकों को 'नवोदय क्रांति परिवार भारत' की दूसरी संगोष्ठी में भाग लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जिसका आयोजन भारत के पंजाब राज्य के अमृतसर में स्थित 'नेशनल अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स' में 2 फरवरी से 4 फरवरी 2020 तक हुआ। जिसमें उपमंडल करसोग की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरीबंगलों की भाषा अध्यापिका सुनीता ने भी भाग लिया। इसमें पूरे भारत वर्ष के लगभग 300 उत्कृष्ट शिक्षकों ने भाग लिया तीन दिवसीय संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य देश की सरकारी शिक्षा को बेहतर से और बेहतर बनाना है। यहां पर आए सभी अध्यापकों ने अपनी नवाचारी शिक्षण गतिविधियों को सबके समक्ष साझा किया, साथ ही पंजाब के सरकारी स्कूलों के होनहार विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। जिसमें जिला मंडी की चार अध्यापिकाओं सुनीता देवी (करसोग) मंजुला वर्मा सुन्दरनगर, भारती बैहल( मण्डी) नर्मदा देवी (मण्डी) सहित बिलासपुर से मीना शर्मा, दीप कुमार ,अवनीश ,परमजीत, चंबा से युद्धवीर, जीवन, सोलन से कैलाश, सुनील धीमान कांगड़ा, सचिन सूद, कुल्लू, रीता बाला किन्नौर आदि ने भाग लिया। सभी शिक्षकों को उनके नवाचार के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
5 फरवरी 2020 को नोनी के ग्राउंड में किन्नर कैलाश स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा Late T.S NEGI की याद में क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़ किया गया इसी के साथ साथ वॉलीबॉल व बास्केटबॉल टूर्नामेंट का भी आयोजन किया जा रहा है। किन्नर कैलाश स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट हैप्पी ने बताया कि यह टूर्नामेंट कई वर्षों से कराया जा रहा है और इस वर्ष भी बढ़-चढ़कर इसमें टीमें भाग ले रही हैं जिसमें विजेता टीम को ₹15000 का नगद इनाम व उपविजेता टीम को 7000 का नगद इनाम व ट्राफी दी जाएगी। टूर्नामेंट का आगाज़ मुख्य अतिथि के रूप में संदीप ठाकुर जिला युवा इंटक अध्यक्ष ने किया व उनके साथ गेस्ट ऑफ ऑनर अंकुश सूद मौजूद रहे व विकी अनहोत एवं सचिन ग्रोवर भी रहे। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में बढ़ती नशे को रोकना व युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति उत्साहित करना है।
-Admit Card डाउनलोड नहीं हो रहा तो दूरभाष पर संपर्क करें जवाहर नवोदय विद्यालय, बनिया देवी, कुनिहार, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश में कक्षा नवम पार्शव परीक्षा दिनांक 8 फरवरी 2020, शनिवार को जिला सोलन के जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में प्रातः 9 बजे संचालित होगी।जिन अभ्यर्थियों को पहचान पत्र ( Admit Card ) डाउनलोड करने में किसी भी प्रकार की समस्या आ रही हो वे दूरभाष संख्या 01796 - 262370 , 9458100788 , 8937870110 पर संपर्क कर सकते हैं। सभी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर अपना पहचान पत्र अवश्य साथ लेकर आएं।
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हिप्पा तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आइआरएस) पर आधारित तीन दिवसीय जिला स्तरीय आधारभूत प्रशिक्षण कोर्स का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का शुभांरभ उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण केसी चमन ने किया। उन्होंने कहा कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कोर्स का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक विभाग को विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से आपसी तालमेल के साथ प्रभावपूर्ण तरीके से निपटने के लिए तैयार करना है ताकि आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। प्रदेश का अधिकतर भू-भाग भूकंप की दृष्टि से अति संवेदनशील क्षेत्र में आता है। इसलिए हम सब का यह कर्तव्य है कि ऐसी आपदाओं से प्रभावशाली तरीके से निपटने के लिए पहले से पूर्ण तैयारी के साथ स्वयं को सक्षम बनाएं। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, गृहरक्षा, वन, लोक निर्माण, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा विभागों के साथ-साथ अन्य सभी विभागों को प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए नवीनतम जानकारी प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के रिसोर्स पर्सन कर्नल पीके पाठक ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आइआरएस) के तहत इसके सिद्धातों तथा विशेषताओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रत्येक विभाग परस्पर बेहतर तालमेल, व्यवस्था, प्रबंधन तथा संसाधनों के साथ किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का प्रभावशाली ढंग से सामना कर उनसे होने वाले वाले नुकसान को कम कर सकता है। उन्होंने कहा कि आपदा आने से पूर्व ही संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने संसाधनों की पूरी जानकारी होनी चाहिए ताकि संसाधनों का समुचित प्रयोग किया जा सके। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल, उपंडलाधिकारी कंडाघाट डॉ. संजीव धीमान, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार, हिमाचल प्रशासनिक सेवा के परीविक्षाधीन अधिकारी विश्व मोहन देव चौहान, शिक्षा क्रांति संस्था के सत्यन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र चेतना संस्था बिलासपुर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी बिलासपुर के संयुक्त तत्वाधान में दिव्यांगों के लिए सहायता उपकरण वितरण समारोह का आयोजन वन विश्राम गृह कुठेड़ा परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने की। इस समारोह में ग्राम पंचायत कुठेड़ा, भुलस्वय, तल्याणा, दावला, मोरसिंघी तथा पटेर के लोगों ने भाग लिया। सुभाष ठाकुर ने कहा कि यदि किसी भी दिव्यांग को सहायता उपकरण के जरूरत हो तो क्षेत्रीय हस्पताल बिलासपुर के ट्रामा सेंटर के कमरा नं. 137 से सम्पर्क कर सकते है। विधायक ने बताया कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग हमारे समाज के अभिन्न अंग है, उन्होंने लोगों से दिव्यांग जनों की आर्थिक तथा मोरल स्पोर्ट के लिए सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगो ने सभी क्षेत्रों में कई कीर्तिमान स्थापित किये है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से रेड क्रॉस सोसायटी को सहयोग देने का आग्रह किया। उन्होंने विधानसभा सदर बिलासपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि 90 करोड़ रुपये विभिन्न सड़को पर खर्च किए जा रहे। पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 45 करोड़ रुपये जल जीवन मिशन के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र सदर में खर्चे किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि 11 करोड़ रुपये बड़ा दा घट कुठेड़ा वाया तलवाड़ा सड़क अपग्रेडेशन किया जाएगा। इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा रहा है। पट्टा मोरसिंगी मसोर सड़क पर अपग्रेडेशन कार्य पर 11 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे है, पनोह हरलोग समेला सड़क के अपग्रेडेशन पर 7 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे है, पनोह गेहरा कुह सड़क अपग्रेडेशन 5 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे है, हरलोग चलेहली हवाण सड़क की 11 करोड़ रुपये खर्च अपग्रेड की जा रही है, 3 करोड़ रुपये से टिक्कर कसोलिया वाया मस्धान सड़क अप ग्रेडेशन व पक्का करने का कार्य किया जा रहा है, बनोहा परनाल, कुलवाड़ी सड़क अपग्रेडेशन पर 7 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे। इससे पूर्व एस डी एम शशि पाल शर्मा ने मुख्यतिथि के स्वागत के साथ-साथ रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर दिव्यांगजनों को उपकरणों वितरीत किए जिनमें 5 व्हील चेयर, 3 स्मार्ट केन, एक ब्रेल केन, 2 रोलेटर, एक सीपी चेयर, 4 बेशखियाँ, 7 कान की मशीन, 14 छड़िया शामिल रही। इस अवसर पर जिला रेड क्रोस सोसाइटी के सचिव अमित गौतम, नोडल ऑफिसर हुक्म सिंह ठाकुर, फिजियोथेरिपिस्ट डॉ शिवानी, अजीत कुमार, एम आर डब्ल्यू जीनत, पूर्व मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, जिला परिषद सदस्य भारत भूषण, ग्राम पंचायत प्रधान सुमन चन्देल, उपप्रधान देश राज, राकेश ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य उर्मिला कौशल, निशु देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य अंजना शर्मा उपस्थित थे।
बुधवार को दी ट्रक ऑपरेटर संघर्ष एवं कल्याण समिति मांगल (बागा) की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अजीत सिंह सेन द्वारा की गई। बैठक में अल्ट्राटेक कंपनी बागा एवं स्थानीय ट्रक ऑपरेटरों के मध्य माल ढुलाई को लेकर उत्पन्न गतिरोध पर व्यापक विचार विमर्श किया गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने इस ज्वलंत परिस्थिति पर अपने विचार रखे। अंत में यह निर्णय लिया गया कि अल्ट्राटेक कंपनी के अड़ियल एवं तानाशाही रवैए के चलते ही यह गतिरोध बरकरार है और इसके निराकरण हेतु प्रशासनिक एवं राज्य सरकार के स्तर पर मध्यस्थता आवश्यक है। जहां एक और अल्ट्राटेक कंपनी प्रशासनिक स्तर पर माल ढुलाई सबंधित गलत आंकड़े पेश कर रही है और साथ ही साथ शीर्ष प्रशासनिक स्तर पर भी स्थानीय जन समुदाय की गलत तस्वीर पेश कर रही है। वहीं दूसरी और असहाय एवं लाचार ट्रक ऑपरेटर कंपनी की तानाशाही के फलस्वरूप अपनी गाड़ियों को फाइनेंसरों द्वारा जब्त किए जाने की कगार पर है। मौजूदा परिस्थिति को मध्य नजर रखते हुए यह भी निर्णय लिया गया कि अगर कंपनी लिखित अनुबंध अनुसार माल ढुलाई बहाल नहीं करती है तो एक व्यापक "रोजी-रोटी बचाओ अभियान" शुरू किया जाएगा जिसमें सभी स्थानीय एवम दाड़लाघाट,बरमाणा के हित धारकों को भी शामिल किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (एचपीकेवीएन) सी-डैक मोहाली, एनआईएफएम फरीदाबाद और सीटीआर लुधियाना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा प्रायोजित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए योग्य उम्मीदवारों की छंटनी 6 तथा 7 फरवरी, 2020 की जाएगी। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि पात्र उम्मीदवार 6 से 7 फरवरी, 2020 तक शिमला, मंडी तथा धर्मशाला में आयोजित होने वाली काउसीलिंग में भाग ले सकते हैं। 06 फरवरी को उपायुक्त कार्यालय मंडी के सम्मेलन कक्ष में 07 फरवरी को एचपीकेवीएन सभागार, एसडीएम कॉम्पलेक्स, कसुम्पटी शिमला और जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार, नजदीक उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में भाग लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन पाठयक्रमों का उद्देश्य राज्य के युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ाना है। ये पाठ्यक्रम एचपीकेवीएन द्वारा शत-प्रतिशत योजित हैं। चयनित प्रशिक्षुओं को कोई भी शुल्क नहीं देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सीटीआर, लुधियाना, एनआईएफएम फरीदाबाद और सी-डैक मोहाली में इन प्रतिष्ठित और उच्च मूल्य पाठयक्रमों में रोजगार सृजन के लिए काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने पात्र युवाओं से आवासीय पाठयक्रमों का पूरा लाभ उठाने का आग्रह किया। इन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वेब डिजाइनिंग, सीएडीडी और जीएसटी आदि शामिल हैं। अधिक जानकारी एचपीकेवीएन के दूरभाष नंबर पर 0177-2623383 या वैबसाईट www।hpkvn।in/admission से प्राप्त की जा सकती है।
बिझडी पुलिस चौकी प्रभारी पूर्ण भक्त ने धांगोटा खड में खनन माफिया पर शिकंजा कसते हुए दो ट्रैक्टरों को धर दबोचा तथा 10200 रूपए जुर्माने के रूप में वसूल किया। ज्ञात रहे कि बड़सर पुलिस को आए दिन खंडों में खनन माफिया की शिकायतें मिल रही हैं। इसी के चलते बिझडी पुलिस टीम धांगोटा खड में नाके के दौरान दो ट्रैक्टरों को खड्डा को छलनी करते बजरी भरते हुए धर दबोचा तथा भारी जुर्माना किया। इसकी पुष्टि डीएसपी बड़सर जसवीर सिंह ठाकुर ने की है।
संयुक्त व्यापार मंडल बिलासपुर के अध्यक्ष व वार्ड नंबर-5 के पार्षद नरेंद्र पंडित ने बिलासपुर में कूड़े को लेकर मचे कोहराम पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीतिक पटल पर अपनी साख को गंवा चुके कुछ लोग अब कूड़े-कचरे के जरिए अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने में लग गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले अढ़ाई दशकों में जब बामटा पंचायत के खैरियां में कूड़ा डंपिग साईट पर फेंका जा रहा था तो किसी ने कोई आपत्ति नहीं की। जनता भी वहीं हैं तथा जनप्रतिनिधि भी वही है। लेकिन अब जब पंचायती राज चुनावों का साल है तो केवल कूड़े को आधार बनाकर राजनीतिक गोटियां फिट करने की कवायद चल रही है। खैरियां के डंपिग साईट में बिजली का ट्रांस्फार्मर लगाने के लिए नगर परिषद द्वारा करीब दस लाख रूपए विद्युत बोर्ड के पास जमा करवा दिए गए हैं जबकि कूड़े के वर्गीकरण की मशीन भी आ चुकी है ऐसे में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की क्या ऐसी मजबूरी है कि वे यकायक इसका विरोध करने लग गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले से चित्त पड़े अपने आका के ईशारों पर इस समस्या को जानबूझ कर पैदा किया जा रहा है ताकि शहरवासी परेशान हों। लेकिन आने वाले समय में सबसे ज्यादा परेशानी कूड़े पर राजनीति करने वालों को होगी। नरेंद्र पंडित ने कहा कि हालांकि यह मौजूदा नगर परिषद कार्यकारिणी का अंतिम वर्ष है, बावजूद इसके कुछ पद के लालसी अभी भी सत्ता हथियाने की फिराक में हैं। लेकिन जनता को तंग कर अपना उल्लू सीधा करने वालों के मंसूबे किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होंगे। नरेंद्र पंडित ने कहा कि हालांकि स्थानीय विधायक, जिला प्रशासन और नगर परिषद इस मामले को लेकर संजीदा है और लोगों के घरों से कूड़ा उठाया जा रहा है और गीला सूखा कूड़ा माकूल जगह पर भेजा जा रहा है। उन्होंने नगर वासियों से भी सहयोग की अपील की है।
अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन द्वारा उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण संस्थान दाड़लाघाट में 11 फरवरी 2020 को सरकारी या गैर सरकारी आईटीआई द्वारा प्रशिक्षित तथा रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने नौकरी हेतु साक्षात्कार रखे हैं। जिन उम्मीदवारों ने 2015 से 2019 तक के (प्रकट बैच) तक प्रशिक्षण प्राप्त किया है जिनमें कटर-फिटर, माचिनिस्ट, टर्नर, मोटर मकैनिक वाहन, ऑटोमोबाइल, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, इंस्ट्रूमेंट मेक, इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, इलेक्ट्रॉनिक्स, पेंटर, कॉपा, आरएसी इत्यादि ट्रेड्स को शामिल किया गया है उन प्रार्थियों का चयन होना हैं जिसके तहत प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट तहसील अर्की जिला सोलन में 11 फरवरी 2020 प्रातः 9:00 बजे लिखित तथा मौखिक साक्षात्कार हेतु इच्छुक उम्मीदवारों को आमंत्रित किया गया है। कैंपस प्लेसमेंट इंचार्ज विनोद वर्मा ने कहा है कि प्रार्थी की आयु साक्षात्कार की तारीख पर 18 से 23 वर्ष होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा होगी उसके बाद उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और चयनित उम्मीदवारों को 17500 रू मासिक पारिश्रमिक दिया जाएगा। अधिक जानकारी हेतु कैंपस प्लेसमैंट इंचार्ज विनोद वर्मा से 9816006816 पर संपर्क किया जा सकता है।
दिल्ली की शाहीन बाग में हुई गोलीबारी के आरोपी कपिल गुर्जर कि सच्चाई सामने आते ही गोलीकांड के लिए लगातार केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को कोसने वाले कांग्रेसी बगलें झांक रहे हैं तथा भाजपाई आक्रामक हो चुके हैं। कपिल गुर्जर का आप पार्टी के साथ जुड़ा रिश्ता जगजाहिर होने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कांग्रेसियों को कड़ी फटकार लगाई है तथा उन्होंने कहा है कि गोलीबाजों की सच्चाई सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। बलदेव शर्मा ने कहा कि केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपनी प्रतिभा के दम पर न केवल देश में बल्कि पूरे विश्व में हिमाचल का नाम रोशन किया है। समाज के विभिन्न वर्गों का हित सोचते हुए उन्होंने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, स्टार खेल महाकुंभ और भारत दर्शन योजना जैसे अभूतपूर्व कार्यक्रम अपने दम पर अनुराग ठाकुर ने अकेले चलाएं हैं। अनुराग ठाकुर के विरुद्ध निराधार निंदनीय और अशोभनीय आरोप लगा कर कांग्रेसियों ने घोर पाप किया है और प्रदेश वासियों की भावनाओं को आहत किया है इसलिए कांग्रेसियों को प्रदेश की जनता से व अनुराग ठाकुर से माफी माँगनी चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस व आप पार्टी सहित अन्य सभी विपक्षी दलों के नेताओं को चुनौती देते हुए शाहीन बाग के मास्टरमाइंड शरजील इमाम व गोलीबाज कपिल गुर्जर सहित दिल्ली के कई शिक्षण संस्थानों में "हिंदुत्व तेरी कब्र खुदेगी" ऐसे नारे लगाने वालों पर तथा भारत तेरे टुकड़े होंगे ऐसा कहने वाली टुकड़ा गैंग पर अपना रुख जनता के सामने स्पष्ट करने को कहा है। बलदेव शर्मा ने कहा कि जिस पार्टी के नेता देश के गुनाहगार आंतकवादी मसूद अज़हर को जी कह कर बात करते हैं, उसी पार्टी के नेता देश के गद्दारों को सज़ा मांगने पर अनुराग ठाकुर को असभ्य बता रहे हैं, कांग्रेस पार्टी की यही राष्ट्र विरोधी असलियत जनता के सामने आ चुकी है।
गोहर मे डियूटी दे रहे प्रेम सिंह (47) पुत्र बरिया राम गांव केलोधार करसोग का शव घर में पहुचने पर केलोधार क्षेत्र पुरी तरह चीख पुकारों से गुंज उठा, परिजनों को ग्रामिण ढ़ाढस दिलाते रहे। बुधवार को ईमला, विमला स्थित मोक्ष धाम पर एसडीएम करसोग सुरेंद्र ठाकुर व डीएसपी करसोग अरुण मोदी के नेतृत्व में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। जिसमें पुलिस बल व होम गार्ड के जवानों ने अंतिम सलामी दे कर मृतक को विदा किया। मृतक के पुत्र गौरव ने शव को मुखागनीं दी। गौर हो की मगंलवार सुबह जब अचानक मौत का पता चला तो खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र केलोधार में शोक की लहर दौड़ गई। करसोग के होमगार्ड के जवानों के साथ साथ व्यापार मंडल केलोधार के सभी लोगों ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है व परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मिली जानकारी के अनुसार तीन फरवरी को 24 दिन का पंचम दोहराई प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। सभी जवान मंगलवार सुबह अपने घर को जाने की तैयारी में लगे थे। सुबह सभी सो कर उठे तो साथ सोए साथी ने प्रेम सिंह को जगाया लेकिन वह नहीं उठा। जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल गोहर पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। कंपनी कमांडर करसोग नित्यानंद, प्लाटून कमांडर दिनेश शर्मा, प्लाटून हवलदार फर्शाधर शर्मा आदि ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्रेम सिंह ने 1993 से लगातार ईमानदारी से गृह रक्षा कंपनी में अपनी सेवाएं दी है। स्थाई इलाकों के साथ-साथ उत्तराखंड व दिल्ली तक उन्होंने अपनी सेवाएं इमानदारी से दी है। और इस दुखद घड़ी में हम सब लोग उनके परिवार के साथ शामिल है।
छात्रों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का उपयोग करके कृषि बागवानी, वानिकी और संबद्ध विषयों में अपने नवीन विचारों को सफल व्यावसायिक उद्यमों में विकसित करने की जरूरत है। डॉ वाईएस परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलपति डॉ परविंदर कौशल ने ‘स्टार्टअप आइडिया ऑन एंटरप्रेन्योरशिप’ पर एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान एक्सपेरिमेंटल लर्निंग प्रोग्राम (ईएलपी) और तीसरे वर्ष के बीएससी (ऑनर्स) औदयानिकी के छात्रों के साथ बातचीत के दौरान यह बात कही। विश्वविद्यालय के इंकूबेशन सेंटर, बिज़नस मैनेजमेंट विभाग ने राज्य के उद्योग विभाग के साथ मिलकर इस कार्यशाला का आयोजन किया। डॉ कौशल ने कहा कि छात्रों को अपने व्यावसायिक विचारों में विश्वास होना चाहिए और उन्हें आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय उनके विचारों को सफल व्यवसायों में बदलने के लिए तकनीकी सहायता प्रदान करेगा। कुलपति ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि उद्योग और शिक्षा संस्थानों के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान और मानव संसाधन के प्रशिक्षण के लिए सहयोग हो। उन्होंने कहा कि उद्योग की मांग के अनुसार व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकते हैं, जबकि उद्योग फेलोशिप और विशेषज्ञ व्याख्यान के माध्यम से योगदान दे सकते है। डॉ कौशल ने विश्वविद्यालय में उद्योग की मदद से छोटी डेमो इकाइयाँ स्थापित करने का सुझाव दिया और कहा कि विश्वविद्यालय प्रदेश उद्योग विभाग के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया में है, जिससे छात्रों को नौकरी, प्रशिक्षण प्राप्त करने में लाभ होगा। सोलन के जनरल मैनेजर (उद्योग) राजीव कुमार कार्यशाला के दौरान गेस्ट ऑफ ऑनर रहे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, मुख्यमंत्री स्टार्टअप योजना जैसी कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका उपयोग युवा उद्यमियों द्वारा किया जा सकता है। उन्होंने नए व्यवसायों की स्थापना के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया। मेरिडियन मेडिकेयर फार्मा लिमिटेड के निदेशक विनीत राय ने भी छात्रों के साथ बातचीत की। उन्होंने सलाह दी कि छात्रों को सफल होने के लिए नई सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। कार्यशाला के समन्वयक डॉ राजेश भल्ला,बिज़नस मैनेजमेंट विभाग के हैड डॉ केके रैन, इंकूबेशन सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ मनोज वैद्य और प्रबंधक डीआईसी सोलन नेहा चौहान ने भी प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर संबोधित किया। निदेशक अनुसंधान डॉ जेएन शर्मा, डीन वानिकी महाविद्यालय डॉ कुलवंत राय, डीन औदयानिकी महाविद्यालय डॉ एमएल भारद्वाज और अन्य संकाय ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।
जब तक समाज रहेगा, तब तक अपराध रहेगा, लेकिन पुलिस व आम लोगों के सहयोग से किसी भी तरह के अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है। यह शब्द आज कुनिहार के श्यावां में कुनिहार थाना के नए भवन में स्थानांतरित होने पर अतिरिक्त अधीक्षक सोलन डॉ० शिव कुमार ने लोगो को सम्बोधित करते हुए कहे। थाना कार्यालय का विधिवत उद्धघाटन रिबन काट कर व परिसर में स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना व हवन करके हुआ। इस दौरान थाना के अंतर्गत आने वाली सभी 14 पंचायतों के प्रतिनिधियों व सामाजिक संस्थाओं के लोगो ने भाग लिया। एसएचओ जीत सिंह ने मुख्य अतिथि सहित सभी का इस अवसर पर पहुंचने पर स्वागत व आभार प्रकट किया व कुनिहार थाना के पिछले दो महीनों के कार्यकाल की उपलब्धियों को सभी के समक्ष रखा। इस दौरान कुनिहार पंचायत के प्रधान देवेंद्र ठाकुर व भाजपा मंडल अध्यक्ष डी के शर्मा ने अपने विचार रखे। डॉ० शिव कुमार ने कुनिहार में थाना खुलने पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कुनिहार क्षेत्र जिला सोलन का दिल है व इस क्षेत्र की प्रगति को देखते हुए यंहा थाना खुलने की बहुत जरूरत थी। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष में केरल राज्य के बाद हिमाचल पुलिस दूसरे स्थान पर सर्वश्रेष्ठ दर्जा रखती है। विभाग ने नशे के खिलाफ स्पेशल मुहिम छेड़ रखी है, जिसमे चिट्टा व अन्य मादक पदार्थो के सेवन के खिलाफ विभाग लोगो को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। उन्होंने इस मुहिम को कामयाब बनाने के लिए सभी सामाजिक संस्थाओं सहित आम लोगो को सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस दौरान इन मादक पदार्थो के सप्लायरों में 13 विदेशी नागरिकों को भी सोलन पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। आज चिट्टा गावं गावं तक पहुंच चुका है व युवा वर्ग इस नशे में उलझता जा रहा है। उन्होंने कुनिहार पुलिस थाना के तहत आने वाली 14 पंचायतों के लोगो से आह्वाहन किया कि वे बाहरी राज्यो के कामगारों सहित सभी उन लोगो का पंजीकरण थाना में अवश्य करवाये, जिन्हें उन्होंने कमरे किराए पर दिए है।उन्होंने बताया कि कुनिहार थाना के लिए एक वाहन दे दिया गया है व जल्द ही बाइक भी थाने में उपलब्ध करवा दी जाएगी। इस दौरान डी के शर्मा मंडल अध्यक्ष, इन्द्र पाल शर्मा, सुरेश जोशी, सुमित मित्तल, नीरज ठाकुर, धनी राम तनवर, जगदीश अत्री, दौलत राम चौधरी नायब तहसीलदार, प्रतिभा कंवर, कौशल्या कंवर, ललित मोहन, देवेंद्र ठाकुर, राजेन्द्र ठाकुर, टीसी गर्ग, गोपाल शर्मा दलीप पाल , राजीव शर्मा, आर पी जोशी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटिड पेंशनर्ज वैल्फेयर एसोसिएशन सब इकाई कुनिहार की मासिक बैठक जय प्रकाश शर्मा राज्य संयुक्त सचिव और लक्ष्मी रमन शर्मा जिला महासचिव सोलन की अध्यक्षता में हुई, बैठक में अस्थाई कार्यकारणी को भंग कर नई कार्यकारणी का पुनर्गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से रत्तन तनवर को इकाई का अध्यक्ष बनाया गया। इसके अतिरिक्त जगदीश चन्द चन्देल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रमेश नाथ कश्यप महा सचिव, दलबीर सिंह संयुक्त सचिव,परस राम कश्यप कोषाध्यक्ष, ई आर पी तनवर सलाहकार, ई रुपिंद्र कौशल लेखा परीक्षक व नन्द लाल कँवर को प्रैस सचिव तथा ई डी आर चौहान, ओ पी भारद्वाज, राम दयाल तनवर, राम प्रकाश ठाकुर, देवी सिंह तनवर व रमेश कुमार चौधरी को कार्यकारणी सदस्य बनाया गया। नव निर्वाचित अध्यक्ष ने नई कार्यकारिणी के गठन में दिए गए सहयोग के लिए सभी उपस्थित सदस्यों की भावनाओं का आदर करते हुए कहा कि पेंशनर्ज के किसी भी कार्य को करवाने के लिए संस्था सदैव तत्पर रहेगी। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की तथा सोलन से आए हुए अतिथियों का चुनाव शांतिपूर्वक तरीके से करवाने व एसोसिएशन की गतिविधियों से अवगत करवाने के लिए धन्यवाद किया।
हिमाचल एकता मंच द्वारा तैयार हिमाचली देव गीत भौउरीए का विमोचन ठेकेदार देवी राम द्वारा वाई एन जी स्टूडियो पतलीकहुल में किया गया। इस देव गीत में दीप लाल भारद्वाज ने अपनी कलम का हुनर दिखाया है। दीप लाल भारद्वाज ने बताया कि देव गीत को बीर चन्द ने अपनी आवाज़ से सजाया है और नीरज व निशांत ने अपने संगीत से संवारा है। यह गीत हिमाचल के देवी-देवताओं पर अधारित है। इसमें योगी चौहान व नरेश कुमार का काफी सहयोग मिला है। इस मौके पर ठेकेदार देवी राम, संगीतकार योगी चौहान, गायक बीर चन्द, हिमाचल एकता मंच के चैयरमेन दीप लाल भारद्वाज व रोहित खतरी मौजूद रहे।
मांगल लैंड लूजर एवं इफेक्टिड परिवहन सहकारी सभा के संयुक्त तत्वावधान में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के खिलाफ मांगो को लेकर मंगलवार को 8 वें दिन भी अपना रोष प्रदर्शन जारी रखा। इस दौरान मांगें पूरी न होने से नाराज ट्रक ऑपरेटर सड़क पर उतरे और कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ऑपरेटरों ने शालूघाट से कंपनी गेट तक रैली निकालकर विरोध दर्ज किया। ऑपरेटर मंगलवार को कंपनी प्रबंधन से बैठक की मांग कर रहे थे लेकिन कंपनी प्रबंधन ने उनसे कोई बातचीत नहीं की। मांगल लैंड लूजर परिवहन सहकारी सभा एवं इफेक्टिड परिवहन सहकारी सभा के सदस्य सीता राम ठाकुर, प्रेम लाल चौहान, नत्थू राम, रोशन लाल, रविकांत पाठक, सुरेंद्र वर्मा, अजीत सिंह सेन, अप्पू, दीपक ठाकुर, हेमचंद शर्मा, बलदेव राज ठाकुर ने बताया कि कंपनी प्रबंधन से समन्वय समिति सदस्यों ने बैठक करने की पेशकश की थी। उसे प्रबंधन ने अज्ञात कारणों से स्थगित कर दिया। उन्होंने बताया कि संयुक्त समन्वय समिति सदस्यों की बैठकों का दौरा दिनभर जारी रहा। ऑपरेटरों ने कहा कि जब तक कंपनी उनकी मांगें नहीं मान लेगी, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। इस बीच ट्रक ऑपरेटरों ने आंदोलन को और तेज करने की भी चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि छह फरवरी को सभी ट्रक ऑपरेटर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात करेंगे। इस मौके पर कंपनी के साथ हुए लिखित अनुबंध को पूरा करने की मांग की जाएगी। उन्होंने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी कि अगर जल्द ही लिखित अनुबंध को लागू नहीं किया गया तो उनका शांतिपूर्ण आंदोलन और तेज व उग्र हो जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की होगी।
युवा क्लब कंधर मांगल द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में मांगल कांग्रेस अध्यक्ष चौहान कृष्णा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जबकि मांगल कांग्रेस के महासचिव राकेश चौहान और समाजसेवी गीताराम ठाकुर विशेष अतिथि रहे। इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज 31 जनवरी 2020 को वरिष्ठ समाजसेवी होशियार सिंह ने किया। इस दौरान क्रिकेट प्रतियोगिता में लगभग 15 से 16 टीमों सहित जिला सोलन, मंडी, बिलासपुर की टीमों ने भाग लिया। लगातार चार दिनों से चले इस क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में सुई सुरहाड़ व माहूनाग बाड़ू की टीम ने प्रवेश किया। फाइनल में पहुंची दोनों टीमों को मुख्य अतिथि ने अपनी शुभकामनाएं दी और टॉस सुई सुरहाड़ की टीम ने जीता और क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। फाइनल मैच में समय कम होने की वजह से दोनों टीम कप्तानों की रजामंदी से मैच को 8-8 ओवर का रखा गया, जिसमें माहूंनाग बाड़ू ने 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 77 रन बनाए। जिससे सुई सुरहाड़ की टीम ने 6।5 ओवर में छह विकेट से मैच जीत लिया। इससे पहले मुख्य अतिथि चौहान कृष्णा, राकेश चौहान और गीता राम को टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि चौहान कृष्णा ने सभी उपस्थित जनता का और युवा क्लब कंधर मांगल का धन्यवाद किया की उन्होंने क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में उन्हें न्योता दिया व इतना सम्मान दिया। मुख्यातिथि ने सभी खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वो अपने आप को फिट रखने के लिए हर प्रकार के खेलों का हिस्सा बने और नशे से अपने आप को दूर रखें।मुख्य अतिथि और क्लब के सदस्यों ने फाइनल में पहुंची दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाये और प्रतियोगिता में सुई सुरहाड़ के कैलाश कुमार को बेस्ट प्लेयर का अवार्ड दिया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि चौहान कृष्णा, राकेश चौहान और गीता राम ठाकुर ने विजेता टीम सुई सुरहाड़ को 9100 सो रुपये नगद और विजेता ट्रॉफी प्रदान की। वही उपविजेता टीम को 6100 रुपए नकद और रनरप की ट्रॉफी प्रदान की। इस विशेष मौके पर मांगल कांग्रेस अध्यक्ष चौहान कृष्णा ने अपनी नेक कमाई से क्लब को 5100 रुपए की धनराशि युवा क्लब को इस सफल क्रिकेट आयोजन के लिए दी और भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिता करवाते रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर मांगल कांग्रेस अध्यक्ष चौहान कृष्णा, मांगल कांग्रेस के महासचिव राकेश चौहान, समाजसेवी गीताराम ठाकुर, सोमदत्त अवस्थी, कमल सेन, अतुल वर्मा, राहुल अवस्थी, अंकित अवस्थी, राकेश सेन, सतीष कुमार, आशीष कुमार सहित क्लब के समस्त सदस्य, स्थानीय लोग और आसपास के इलाकों से आये बहुत से युवा भी उपस्थित रहे।
दाड़लाघाट के गाँव फलोदन में सोमवार को वाहन दुर्घटना ग्रस्त हुआ। सूचना मिलने पर प्रभारी थाना दाड़लाघाट कर्मचारियों सहित गाँव फलोदन में पहुंचा जहाँ पर दिवाकर सेन पुत्र केशव राम गांव बस्याणा जिला सोलन व मनसाराम उप प्रधान ग्रांम पंचायत चाखड अन्य लोगों सहित उपस्थित रहे। HP-11-9799 रंग सफेद नैनो कार, करीब 300 मीटर नीचे गिरी हुई पाई गई तथा कुछ फासले पर एक व्यक्ति जिसके मुंह पर घाव व खून जमा हुआ था मृत हालत में पड़ा पाया गया। बताया गया कि उक्त कपिल इस हादसे की गिरफ्त हुई नैनो कार का चालक था। यह हादसा कार की गति पर नियन्त्रण न रख पाने व लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है। जिसमें पुलिस द्वारा कार्यवाही अम्ल में लाई जा रही है।
राष्ट्रीय पैन्शनर महा संघ हिमाचल प्रदेश की राज्य स्तरीय प्रथम बैठक 8 फरवरी को बिलासपुर में धौलरा विश्राम गृह में सुबह 11 बजे आयोजित की जायेगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्मनंद करेगें और रास्ट्रीय उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे यंहा जारी प्रेस विज्ञप्ति में प्रदेश महामंत्री इन्दर पाल शर्मा ने कहा कि इस बैठक में प्रदेश कार्यकारणी के सभी पदाधिकारी और सदस्यों के अतिरिक्त राष्ट्रीय कार्यकारणी के प्रदेश सदस्य भाग लेगें। शर्मा ने कहा कि गत 22 दिसंबर 2019 को पालमपुर में हुई राष्ट्रीय बैठक में पैन्शनरो की प्रमुख मांगो के बारे मेँ पारित किये गये प्रस्ताव पर चर्चा की जायेगी। तथा उस सम्मेलन में मुख्य मंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुरुप फरवरी में पैन्शनरो के लिये राज्य स्तरीय संयुक्त सलाहकार समिति का गठन कर बैठक आयोजित करने की मांग की जायेगी। ताकी उनकी प्रमुख मांगो पर सरकार के साथ विस्तृत चर्चा की जा सके। बैठक में अन्य संगठनात्मक विषयो पर चर्चा करके आगामी प्रारुप तैयार किया जायेगा। सभी सदस्यों से बैठक में पहुंचने की अपील की गई है।
नादौन के साथ लगती बेला पंचायत में विजय कुमार पुत्र कन्हैया लाल की पशुशाला में सोमवार रात्रि करीब 11:00 बजे भीषण आग लग जाने से पशुशाला में एक भैंस व उसके बच्चे की जल जाने से मृत्यु हो गई। जानकारी देते हुए विजय कुमार ने बताया कि रात करीब 11:00 बजे वह अपने परिवार सहित सोए हुए थे, तभी विजय कुमार की भतीजी को किसी चीज के जलने की बदबू आने लगी भतीजी ने लाइट जला कर घर से थोड़ी दूर बनी पशुशाला में भयानक आग लगी देखकर शोर मचाया। तभी वहां पर गांव के व परिवार के लोग इकट्ठे हो गए, लेकिन आग इतनी भयानक हो चुकी थी कि भैंस व उसके बच्चे को बाहर नहीं निकाला जा सका। जिसके कारण दोनों की जलकर दर्दनाक मृत्यु हो गई। इस घटना से परिवार के सभी सदस्यों बहुत दुखी होकर रोने लगे, गांव के लोगों ने परिवार को सदमे से बाहर निकालने के लिए रात परिवार के साथ ही बिताई। गौर हो कि यह गरीब परिवार इसी भैंस का दूध बेचकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। विजय कुमार ने बताया कि उसकी भैंस 8 से 10 लिटर एक टाइम का दूध देती थी, जिसे बेचकर वह अपने परिवार का गुजारा करता था। वही इस घटना के बारे मैं एसडीएम किरण भड़ाना ने भी दुख प्रकट किया और तहसीलदार नादौन को रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दे दिए गए हैं। जल्द ही परिवार को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जायेगा।
सतलुज आरती के प्रभारी एवं दुर्गा माता मंदिर चंगर सेक्टर के पुजारी पंडित भरत डोगरा ने बताया कि व्यास ऋर्षि के नाम से प्रसिद्व बिलासपुर शहर के इतिहास में दूसरी बार सतलुज नदी की आरती की जाएगी। यह आरती 24 फरवरी सोमवार को सायं 3 बजे आयोजित की जाएगी। जिसमें जिला प्रशासन सहित अन्य कई संस्थाएं भाग लेने के लिए विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। इस नई पहल को शुरू करने के लिए बिलासपुर की सामाजिक संस्था रेनबो स्टार क्लब व कहलूर विकास क्लब सेवा संस्थान एव लाड़ली फाउंडेशन ने यह बीड़ा उठाया है। रेनबो स्टार क्लब के संस्थापक एवं सतलुज आरती के समन्वयक ईशान अख्तर ने बताया कि मंडी व कुल्लू जिला की तर्ज पर बिलासपुर जिला में यह पहल शुरू करने की कवायद पिछले वर्ष आरंभ की थी क्योंकि बिलासपुर की गोबिंदसागर झील का नाम गुरू गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखा गया था। इसी के चलते उन्होंने यहां की झील का पूजन करना शुरू किया है। उन्होंने बताया कि सदियों पहले भी राजाओं के समय बिलासपुर में सतलुज आरती होती रही थी, लेकिन समय बदलने के साथ ही यह रस्म पूरी तरह से लुप्त हो गई। लेकिन अब एक बार फिर से यह आरती नाले के नौण के समीप रंगनाथ मंदिरों के सामने आयोजित की जाएगी। आरती शुरू होने से पहले पौराणिक मंदिरों और गोबिंदसागर झील के लिए विशेष हवन किया जाएगा। यह हवन आरती शुरू होने से पहले आयोजित होगा। हवन के दौरान मुख्यातिथि भी शिरकत करेंगे। इसके बाद शहर के नव दुर्गा मंदिर चंगर सेक्टर के पुजारी पंडित भरत डोगरा हवन व आरती की जिम्मेदारी संभालेंगे। क्लब के प्रधान अजय कौशल ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भाषा एवं संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन तथा आयूषी इंस्टीच्यूट ऑफ फेशन डिजाइनिंग डियारा सेक्टर का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने जिला की सभी संस्था व स्थानीय लोगों से आग्रह किया है कि इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बढ़-चढ़ कर भाग लें। सतलुज आरती के प्रभारी एवं दुर्गा माता मंदिर चंगर सेक्टर के पुजारी पंडित भरत डोगरा ने बताया कि इस सतलुज आरती में विशेष रूप से सभी धर्मों के लोग हिंदू मुस्लिम एक साथ सतलुज की आरती करेंगे। जिससे हिमाचल के बिलासपुर जिले से आपसी हिंदू मुस्लिम भाईचारे का संदेश पूरे संसार में दिया जाएगा।
हमीरपुर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बोर्ड की विधायक कमलेश कुमारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट ऐतिहासिक है और मध्यम वर्ग को राहत पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि इस बजट का विरोध कांग्रेस पार्टी को गर्त में लेकर जाएगा। भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना आंखों में लेकर काम कर रही मोदी सरकार ने बजट के माध्यम से भी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का योगदान किया है जो स्पष्ट झलकता है और इस बात को केवल और केवल एक राष्ट्रवादी ही समझ सकता है। राष्ट्रभक्ति से कोसों दूर कांग्रेस के पार्टी के लोग जो कि सिर्फ एक परिवार विशेष की भक्ति करना जानते हैं, वह तो केवल और केवल विरोध करके ही अपने दिल को तसल्ली दे रहे हैं। विधायक ने कहा कि देश की बहुत बड़ी आबादी मध्यमवर्गीय है और यही वह लोग हैं जो अपनी मेहनत के दम पर भारत को विकास के रास्ते पर आगे लेकर जा रहे हैं। मोदी सरकार ने इस बार के बजट में इस बहुत बड़े वर्ग का ध्यान रखा है और इस वर्ग के लिए आयकर छूट की सीमा बढ़ाकर ₹500000 की है तथा 1500000 रुपए तक की आय वालों को विभिन्न सलैब्स में लाकर आयकर दर घटाई है। यही नहीं इस वर्ग के हितों को सुरक्षित करते हुए मोदी सरकार ने बैंकों को राष्ट्रीय स्तर पर एकीकृत कर बैंकों में जमा लोगों की पूंजी की सुरक्षा बढ़ाई है। बैंकों का एनपीए कम किया है तथा सबसे महत्वपूर्ण देश में पहली बार बैंकों में जमा लोगों की पूंजी की सुरक्षा गारंटी बढ़ाकर ₹500000 की है जो कि पहले ₹100000 होती थी। कमलेश कुमारी ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार बनी है तब से देश की अर्थव्यवस्था दिनोंदिन सुदृढ़ होती गई है। आज से 5 वर्ष पहले जो अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें नंबर पर थी वह अब पांचवें स्थान पर पहुंची है। मोदी सरकार ने अगले कुछ वर्षों में भारतवर्ष की अर्थव्यवस्था को विश्व में तीसरे नंबर पर लाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि देश के कर्जे को घटाकर एवं महंगाई पर पूरी तरह नियंत्रण रखने का करिश्मा मोदी सरकार ने करके दिखाया है।
प्राचीन शिव ताण्डव गुफा विकास समिति कुनिहार व शम्भू परिवार के सौजन्य से गुफा प्राँगण में 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। समिति अध्यक्ष राम रतन तनवर ,उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर व सचिव गोपाल कृष्ण शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष पर कथा का आयोजन किया जाएगा। इसे कथा वाचक हेमन्त गर्गाचार्य अपनी मधुर वाणी से भक्तों को सुनाएंगे। 10 फरवरी वीरवार सुबह 10 बजे से कलश व पुराण यात्रा के साथ कथा का शुभारम्भ होगा। कथा का समय दोपहर 1 बजे से सांय 4 बजे तक होगा उसके बाद प्रतिदिन 4 से 6 बजे तक भण्डारे का प्रशाद वितरित किया जाएगा। 20 फरवरी को हवन व पूर्णाहुति के साथ कथा को विराम दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा जिसकी सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। महाशिवरात्रि को सुबह से रात तक भोले के सुंदर भजनों व झांकियों का आयोजन भी भक्तों के लिए किया जाएगा। सभी भक्तों को फलों का प्रशाद दिया जाएगा। 22 फरवरी को सभी क्षेत्र वासियों के लिए विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। गुफा समिति व शम्भू परिवार के सभी सदस्यों ने सभी क्षेत्र वासियों से सभी कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर पहुंचकर भोले का आशीर्वाद लेने की अपील की है।
उर्दू भाषा में अंकित सिक्का भी बंधा था गुबारे से बिलासपुर की दांवी घाटी जुखाला में तथा कथित एक गुबारा मिलने से दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि यह गुबारा किसी पाकिस्तानी समर्थक की चाल है। वास्तव में गुबारे के साथ एक सिक्का भी मिला है,जिसमें उर्दू भाषा मे कुछ लिखा है तथा चांद तारे सहित इस्लामिक निशान बने हैं। जिस से इसके पड़ोसी देश पाकिस्तान से आया होने की शंका की जा रही है। इस बात की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह गुबारा जुखाला क्षेत्र के साथ लगते अप्पर स्याहुला में सोमवार सुबह करीब सात बजे खेत में एक पड़ा मिला। पशुओं को चारा डालने पशुशाला जा रही गांव की एक महिला निर्मला देवी ने सबसे पहले इसे देखा। महिला ने बताया कि उसे लगा की यह गुबारा पड़ोसियों के बच्चों का है जो यहां आकर गिर गया होगा। उसने यह गुबारा वहां से उठा लिया और अपनी पशुशाला ले गई। बाद में उसने घर बताया कि उससे खेत में गुबारा मिला है जो उसने पशुशाला में रख दिया। उसके बाद उसके भतीजे विक्रम ठाकुर ने पशुशाला में जाकर यह गुबारा देखा तो उसके साथ एक सिक्का बंधा था, जिस पर उर्दू भाषा में कुछ लिखा था इसके अलावा इस पर चांद तारे इस्लामिक निशान बने थे। इस गुबारे पर भी स्पाइडर मैन भी प्रिंट हुआ था। विक्रम ने जैसे ही गुबारे से यह सिक्का निकाला वैसे ही गुबारा एक दम से उड़ गया और बंदला की पहाडियों की तरफ चला गया। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस चौकी नम्होल को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी नम्होल व बरमाणा थाना से एक टीम मौके पर पहुंची। बरमाणा थाना प्रभारी विलोचन नेगी ने इसकी छानबीन की तथा सिक्के को अपने कब्जे में ले कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। अभी तक इस बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है, जिससे इसके बारे में कुछ कहा जा सके। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है कि यह गुबारा कहां से आया और इसके अन्दर क्या था।
हमीरपुर से जारी एक सयुंक्त प्रेस विज्ञप्ति में जिला भाजपा उपाध्यक्ष अनिल कौशल, प्रवक्ता अदर्शकान्त एवं जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने बजट एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का विरोध करने पर कांग्रेस को खूब खरी-खोटी सुनाई है। नरेन्दर ठाकुर ने कहा कि आजादी के बाद 70 वर्ष के इतिहास में अटल जी की सरकार को छोड़कर जितनी भी सरकारें आई उन्होंने कभी देश के किसानों के प्रति नहीं सोचा। जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है तब से व्यापक पैमाने पर देश के किसानों के उत्थान के लिए जो योजनाएं चलाई जा रही हैं। केंद्र सरकार दिल संकल्प है कि 2022 तक देश के किसानों की आय दोगुनी करनी है। यही कारण है कि जब भी केंद्र सरकार ने बजट पेश किया वह कृषि उन्मुख होकर किसानों की भलाई करने वाला ही रहा। पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में इस बार कृषि के लिए लगभग तीन लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। कृषि के लिए 16 सूत्री कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। पहली बार देश में कृषि उत्पादों को शीघ्र मंडियों तक पहुंचाने के लिए किसान रेल एवं किसान हवाई उड़ान की बात कही गई है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण इस देश में दशकों तक किसानों को उनके अधिकार नहीं दिए गए जब भी किसान ही हमारे देश के अन्नदाता है और हमारे कृषि प्रधान देश के रीड की हड्डी है। उन्होंने कहा कि जब से मोदी सरकार किसानों की आय बढ़ाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है तब से कांग्रेस पार्टी के लोग अपनी नालायकी को छुपाने के लिए बजट का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के लोगों को अपने किसानों विरोधी विचारधारा का रुख स्पष्ट करने को कहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन कर कांग्रेस निर्लज्जता का सबसे बड़ा उदाहरण देश की राजनीति में प्रस्तुत कर रही है। पूरा देश जानता है जब भी देश में देश विरोधी तत्वों ने देश की शांति भंग करने की कोशिश की तब तक भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उसका विरोध किया है। लेकिन उतनी बार ही कांग्रेस के नेताओं ने उन देश विरोधी तत्वों की देश के गद्दारों की पैरवी की है और उनका साथ दिया है। यही कारण है कि जब देश के गद्दारों के विरुद्ध कोई बात कही गई तब कांग्रेस के लोग हमारे नेता का विरोध करने के लिए आगे हुए हैं। जिस से एक बात तो पूरी तरह स्पष्ट है कि कांग्रेस का हाथ देश के गद्दारों के साथ है तक कांग्रेस का देश विरोधी एवं किसान विरोधी चेहरा जनता के सामने आ चुका है।
ग्राम पंचायत घणागुघाट के छिब्बर गांव में महिला मंडल द्वारा निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यह महिला मंडल इस निरंतरता में विराम नहीं लगने देता। इस बार इस महिला मंडल ने छिब्बर गांव की पुरानी बावड़ी साफ की और उसके जल स्रोत की निकासी को संवारा। महिला मंडल प्रधान सरला देवी ने बताया कि महिलाओं ने बावड़ी में जमा कचरा बाहर निकाला और उसे चुना लगाकर संवारा,उसके बाद महिलाओं ने गांव के लिए बने रास्ते की साफ सफाई की रास्ते के किनारे अवांछित घास व झाड़ियों को काटा और रास्ते के एक और चुने की पट्टी बनाकर सफाई तथा सौंदर्य का संकेत दिया।ग्राम पंचायत प्रधान धनी राम ने महिला मंडल की सराहना करते हुए कहा कि यह महिला मंडल सक्रियता से अपने काम में तत्पर रहता है और महिला मंडलों को भी इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। महिला मंडल के इस दल में प्रधान सरला देवी,सचिव कुसुमलता,कृष्ण देवी,लीला, कौशल्या,कमलेश,दयावती,लीला,प्रेमी देवी,हेमलता,सावित्री, उर्मिला,सत्या इत्यादि शामिल रही।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड धुन्दन की आमसभा और मनोनीत पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला धुन्दन में अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। संघ की आम सभा के साथ महिला विंग को भी शपथ ग्रहण करवाई गई। महिला विंग के अध्यक्ष के रूप में मीरा कौशल,वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनीता गौतम,महासचिव चंपा देवी तथा संरक्षक जयमाला शर्मा,पूर्णिमा शर्मा व सीता शर्मा ने शपथ ली। संघ के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने सभी मनोनीत सदस्यों का संविधान के अंतर्गत शपथ दिलाई। संघ अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने बताया कि प्राथमिक शिक्षक संघ राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा संगठन है,जो शिक्षकों के हितों के साथ शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। खंड अध्यक्ष ने सभी मनोनीत सदस्यों को बधाई दी तथा उन्हें संघ तथा शिक्षा क्षेत्र के प्रति सदैव निष्ठावान रहने की सलाह दी। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्राथमिक पाठशालाओं के चतुर्थ श्रेणी के पद जल्द से जल्द भरे जाएं,उन्होंने जेबीटी अनुबंध अध्यापकों को नियुक्ति की तिथि से 10300-34800 का वेतनमान और वरिष्ठ लाभ 1996 के अनुबंध अध्यापकों का लंबित वित्तीय लाभ,सभी प्राथमिक पाठशाला में एक मुख्य शिक्षक पद सृजित करना,प्राथमिक सहायक अध्यापकों का नियमित करना,सभी शिक्षा खंडों में खंड सहायक बीईईओ का पद सृजित करना आदि मांगे सरकार के समक्ष रखी। इस अवसर पर संघ के जिला कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता,संरक्षक बृजलाल पंवर,प्रवक्ता विजय शर्मा,भंडार नियंत्रक चेतराम,संगठन मंत्री भजन शर्मा महासचिव ज्ञान ठाकुर,कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम भारद्वाज,मुख्य सलाहकार रोशन ठाकुर,श्याम गौतम,सुखराम,जोगिंदर सिंह,हंसराज,कपिल,मदन मोहन,रतिराम,नरेश कौंडल,प्रदीप चंदेल सहित लगभग 70 अध्यापक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण व शहरी आशा कार्यकर्ताओं के लिए 05 दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला सोलन जिला के नालागढ़ में आरंभ हुई। 07 फरवरी तक आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का शुभारंभ खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. केडी जस्सल ने किया। इस अवसर पर डॉ. केडी जस्सल ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं का गांव एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण कार्यक्रम, जननी शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम धात्री व गर्भवती महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में आवश्यक सहायता प्रदान करने और स्वास्थ्य की देखभाल से संबंधित अन्य कार्यक्रमों में सहायता देने में अहम भूमिका रहती है। खंड चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यशाला के प्रथम चरण में मॉडयूल-6 के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं को उनके कार्य तथा उसके निष्पादन के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में में स्वास्थ्य खंड नालागढ़ सहित सायरी, अर्की, चंडी, धर्मपुर तथा क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के आशा कार्यकर्ता भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को सुचारू रूप से गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के उपरांत सभी आशा कार्यकर्ता अपने कार्य को कुशलतापूर्वक करने में सक्षम होंगी तथा दूरदराज क्षेत्र तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने में सहायक होंगी। इससे न केवल संबंधित लाभार्थियों को लाभ पहुंचेगा अपितु सरकार द्वारा निर्धारित स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्यों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान राज्य स्तरीय प्रशिक्षक इंद्र कुमार पुंडीर तथा इंदिरा पुंडीर ने आशा कार्यकर्ताओं को मातृ एवं शिशु संबंधी सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार माता व शिशु की देखभाल की जाती है। इस अवसर पर आशा समन्वयक एवं स्वास्थ्य शिक्षक चमन लाल, विभिन्न चिकित्सा खंडों की आशा कार्यकर्ता व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
इनाम का लालच देकर प्रदेश के भोले भाले लोगों को ठगने के मास्टरमाइंड बड़सर पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस ने जाल बिछाकर ठगी के दो मास्टरमाइंड को दिल्ली व दो को हैदराबाद से पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा ठगी के आरोपितों को कोर्ट में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। बताते चलें की पूरे प्रदेश में ऐसे ठगी के बहुत से मामले सामने आ चुके हैं। शातिर बीमा पॉलिसी रिन्यू करवाने, लक्की नम्बर निकलने पर लाखों रुपये का इनाम दिलवाने, गाड़ी इनाम में निकलने व अन्य कई प्रलोभन देने के बाद प्रोसेसिंग फ़ीस व अन्य नामों पर अपने खातों में पहले छोटी-छोटी राशी ट्रांसफर करवाते हैं। शक होने से पहले ही झांसे में लेकर बड़ी राशि पीड़ितों से हड़प ली जाती है। डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर का कहना है कि चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पांच दिनों का पुलिस रिमांड मिला है। उन्होनें लोगों से ऐसे ठगों के झांसे में न आने के अलावा ठगी के शिकार और लोगों से भी पुलिस में शिकायत दर्ज़ करवाने की अपील की है।
विकासखंड नादौन के किटपल सहित आसपास के अन्य गावों के लोग विद्युत के अघोषित कटों से परेशान हैं। स्थानीय लोगों सुरेंदर, विजय, महेश, जगदीश, ओम प्रकाश, विधीचंद सहित अन्य लोगों ने बताया कि गत कई दिनों से अक्सर सुबह 6:00 बजे लाइट चली जाती है तथा उसके बाद 10:00 बजे तक ही लाइट आती है। लोगों ने बताया कि करीब 4 घंटे विद्युत आपूर्ति बंद रहती है। उन्होंने बताया कि इससे सबसे अधिक परेशानी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों तथा नौकरी पेशा करने वाली लोगों को हो रही है। लोगों ने बताया कि सुबह के समय हर किसी को अपने कार्यालय तथा विद्यार्थियों को अपने शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने कि जल्दी रहती है, वहीं परीक्षाएं सिर पर होने के कारण स्कूली बच्चों को भी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि विभाग द्वारा बिना किसी सूचना के यह कट लगाए जाने से परेशानी और भी बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान करवाया जाए। इस संबंध में विभाग के एसडीओ धनेटा रविंद्र शर्मा ने बताया कि तकनीकी कारणों से समस्या पेश आ रही थी, जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में समस्या का पूरा सावधान कर लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग का आग्रह किया है।
सरस्वती विद्या मंदिर सुन्हांनी में वार्षिक पारितोषिक वितरण धूमधाम से मनाया गया। इसकी अध्यक्षता सेवानिवृत प्रधानाचार्य सत्यपाल शर्मा ने की। इस कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन संजय चौधरी भी उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में जिला समिति बिलासपुर के कोषाध्यक्ष संतराम शर्मा उपस्थित थे। उन्होंने वैदिक गणित विद्या भारती द्वारा निर्धारित पांच आधारभूत विषयों पर प्रकाश डाला। विद्यालय की मुख्य शिक्षिका सीमा देवी ने पाठशाला की गतिविधियों की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत गाकर किया गया। उसके उपरांत शिशु कक्षा के बच्चों ने दिल है छोटा सा, कक्षा प्रथम के बच्चों ने नाटी प्रस्तुत की। कक्षा चतुर्थ व पंचम के बच्चों द्वारा मेरे प्यारे वतन गीत पर नृत्य कर के देशभक्ति का संदेश दिया आर्यन व साथियों ने हास्य नाटक प्रस्तुत करके सभी को खूब हंसाया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के प्रधान प्रेम सिंह वर्मा ने अभिभावकों को सचेत किया कि बच्चों को मोबाइल फोन उपलब्ध न करवाएं और उनकी बाकी गतिविधियों पर भी नजर रखें। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा मेधावी बच्चों को पारितोषिक वितरित किए गए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान राजेश महाजन , कुलदीप रतन , गायत्री गौतम व स्थानीय विद्यालय के बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी (ना.) सदर बिलासपुर रामेश्वर द्वारा 48-बिलासपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के तीन बूथ लेवल अधिकारियों को सम्मानित किया गया। विधानसभा के मतदान केन्द्र 21-तल्याणा-1 के अनिल कुमार, 32-मल्यावर-1 की पावन कुमारी तथा 97-माणवां की सुषमा कुमारी को लोक सभा निर्वाचन 2019, मतदाता सत्यापन कार्यक्रम (म्टच्) और मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम 2020 में सराहनीय कार्य करने के लिए उपमण्डलाधिकारी (ना.) सदर बिलासपुर रामेश्वर द्वारा एक समारोह में इन तीनों बूथ लेवल अधिकारियों को सम्मानित किया गया। उपमण्डलाधिकारी ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों से अपील की कि वे सभी अपने-अपने कार्य को कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से करें ताकि मतदाता सूचियों में किसी भी प्रकार की कोई त्रुटि न रहे। भविष्य में भी बेहतर कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों को सम्मानित किया जायेगा।
मौसम की अनुकूलता के मद्देनजर गेहूं की फसल में पीला रतुआ रोग फैलने की संभावना बढ़ गई है क्योंकि तापमान में उतार-चढ़ाव इस रोग के फैलने हेतु अनुकूल होता है। यह जानकारी कृषि उपनिदेशक बिलासपुर डा. के.एस. पटियाल ने दी। उन्होंने बताया कि जिस गेहूं की बिजाई अक्तूबर-नवंबर माह में हो चुकी है उसमें इस रोग के फैलने की ज्यादा संभावना है, रोग का प्रकोप विशेषकर पेड़ों के आसपास उगाई गयी फसल व अधिक ठंड और नमी वाले मौसम में उग्र होता है। पीला रतुआ रोग के लक्षण पीले रंग की धारियों के रूप मे पत्त्तियों पर दिखाई देते हैं। यदि यह रोग कल्ले निकलने की अवस्था में या इससे पहले आ जाए तो फसल को भारी हानि होती है। पीली धारियां मुख्यतः पत्त्तियों पर ही पाई जाती है परंतु रोग के अधिक प्रकोप की व्यापक दशा में पत्त्तियों के आवरण, तनों एवं बालियों पर भी देखी जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए किसान जागरूक रहें तथा कहीं भी इस रोग के लक्षण दिखाई देने पर प्रभावित क्षेत्र में ही प्रोपीकोनाजोल (टिल्ट) १ मी.ली. दवाई का 1 ली. पानी में घोल बना कर छिड़काव करें। यह दवाई कृषि विभाग के सभी विक्रय केंद्रों पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी हेतु अपने नजदीकी कृषि विषयवाद विशेषज्ञ, कृषि विकास अधिकारी और कृषि प्रसार अधिकारी से संपर्क करें।
प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस आशीष ठाकुर ने आम बजट 2020 पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करते हुए कहा कि बजट में केंद्र सरकार द्वारा युवाओं का कोई ध्यान नही रखा गया है युवाओं को रोजगार के संसाधन जुटाने के बारे में कोई चर्चा नही हुई, इससे प्रतीत होता है कि भाजपा के पास युवाओं के लिए कोई विशेष नीति नहीं है, हिमाचल प्रदेश की जनता ने जिस तरह से बढ़ चढ़कर लोकसभा चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था उससे लोगों को सरकार से उम्मीद थी कि बजट में हिमाचल प्रदेश को विशेष पैकेज का तोहफा मिलेगा, पर केंद्र सरकार हिमाचलियों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई, केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर ने चुनाव जीतने के लिए लोगों से वायदा किया था कि सत्ता में आते ही वो हिमाचल प्रदेश में रेल लाइन का विस्तार करेंगे पर बड़े ही दुर्भाग्य की बात है कि आज वो केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री होने के बावजूद हिमाचल को कुछ भी दिलवाने में असमर्थ सिद्ध हुए हैं ,भाजपा के सत्ता में आने के बाद आज जनता का बैंकों के ऊपर से भी विश्वास उठ रहा है, बजट में भी साफ कहा गया है कि बैंक बन्द होने की स्थिति में लोगों के सिर्फ 5 लाख रुपये तक ही सुरक्षित रहेंगे। लोग आज असमंजस की स्थिति में हैं।
लाडली फाउंडेशन की बैठक का आयोजन जिला मुख्यालय में जिला अध्यक्षा अनीता शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें विशेष तौर पर लाडली फाउंडेशन के राज्य अध्यक्ष शालू एवं उपाध्यक्ष अनीता जसवाल ने शिरकत की। बैठक में महिला सशक्तिकरण के बारे में चर्चा की गई। राज्य अध्यक्ष शालू एवं उपाध्यक्ष अनिता जसवाल ने कहा कि भारत में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिये सबसे पहले समाज में उनके अधिकारों और मूल्यों को मारने वाले उन सभी राक्षसी सोच को मारना जरुरी है जैसे दहेज प्रथा, अशिक्षा, यौन हिंसा, असमानता, भ्रूण हत्या, महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा, बलात्कार, वैश्यावृति, मानव तस्करी और ऐसे ही दूसरे विषय। लैंगिक भेदभाव राष्ट्र में सांस्कृतिक, सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक अंतर ले आता है जो देश को पीछे की ओर ढ़केलता है। भारत के संविधान में उल्लिखित समानता के अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए महिलाओं को सशक्त बनाना सबसे प्रभावशाली उपाय है इस तरह की बुराईयों को मिटाने के लिये। बैठक में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, महिला हेल्पलाइन योजना ,उज्ज्वला योजना ,महिला शक्ति केंद्र ,पंचायती राज योजनाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण के बारे में भी विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। लाडली फाउंडेशन की घूमारवी इकाई की अध्यक्ष निशा कुमारी ने कहा कि गुड़िया हेल्पलाइन 1515, होशियार सिंह हेल्पलाइन 1090 महिला हेल्पलाइन 1091,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में पूरे प्रदेश में जागरूकता सेमिनार लगाए जाएंगे। इस मौके पर दीक्षा मेहता, ज्योति कुमारी, शालिनी शर्मा, पिंकी देवी, शिवानी, वासुदेव, अजय कौशल, नीतीश कुमार इत्यादि मौजूद थे।
दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल ने एक बार फिर सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा में बाजी मारी है। इस वर्ष भी दिल्ली कान्वेंट स्कूल ने अपने छात्रों को मिलिट्री व सैनिक स्कूल में भेजने का सिलसिला बरकरार रखा है। हाल ही में दिल्ली कान्वेंट स्कूल के छात्र सार्थक झा का मिलिट्री कॉलेज देहरादून में चयन अपने आप में ही क्षेत्र के लिए बड़े गर्व की बात है। इस सिलसिले को जारी रखते हुए इस वर्ष कक्षा पांच के चार छात्रों में क्षितिज, अर्नव ,कार्तिक, अक्षित का सैनिक स्कूल में चयन दिल्ली कान्वेंट स्कूल के सफलता अध्याय में एक नए पृष्ठ का शामिल होना हैं । स्कूल निदेशक डॉक्टर प्रवीण राजपूत ने बताया कि हर वर्ष स्कूल कक्षा पांचवीं के लिए विशेष कक्षाओं के आयोजन करता है जिसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को मिलिट्री स्कूल, सैनिक स्कूल व नवोदय विद्यालय के लिए छात्र तैयार करना है साथ ही साथ यह सफलता इस तरह के प्रयासों को ओर बल प्रदान करती है वहीं उन्होने बताया कि अपने छात्र सार्थक झा के लिए विद्यालय में विशेष टीम का गठन किया जिन्हें इंटरव्यू के लिए तैयार करना था। इस टीम में ढलियारा कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर कर्ण पठानिया, डीसीएस सुनहेत से डॉक्टर प्रवीण राजपूत, पूनम शर्मा, निशित शर्मा थे। इस में लगभग 20 छात्रों का साक्षात्कार करवाया गया। सार्थक झा का मिलिट्री कॉलेज देहरादून में चयन समूचे क्षेत्र के लिए महान उपलब्धि है। सभी चयनित छात्रों ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजन, स्कूल को दिया है।
सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बघेरी में 09 फरवरी 2020 को आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम के लिए शिकायतों तथा मांगों संबंधी आवेदन 07 फरवरी तक स्वीकार किए जाएंगे। यह जानकारी उपायुक्त सोलन केसी चमन ने दी। केसी चमन ने कहा कि जनमंच की अध्यक्षता शहरी विकास, नगर नियोजन एवं आवास मंत्री सरवीण चौधरी करेंगी। जनमंच प्रातः 10।00 बजे आरंभ होगा। केसी चमन ने कहा कि इस जनमंच में नालागढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत बघेरी, बेरछा, खिल्लियां, घोलोवाल, मस्तानपुर, करसोली, जोघों, कश्मीरपुर, बरूणा तथा जगतपुर की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनमंच के लिए अभी तक 12 मांगे व 14 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जनमंच के लिए मांगों तथा शिकायतों संबंधी आवेदन 07 फरवरी तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर 09 फरवरी के दिन जनमंच कार्यक्रम में चर्चा नहीं होगी। जनमंच कार्यक्रम में महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पैंशन, जन धन योजना, बेटी है अनमोल योजना, डिजिटल राशन कार्ड, टीकाकरण इत्यादि विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लोगों को न केवल इन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी अपितु पात्र व्यक्तियों तक इन योजनाओं के लाभ भी पहुंचाएं जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि जन मंच में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुर्वेद विभाग तथा पशु पालन विभाग द्वारा निशुल्क जांच एवं दवा वितरण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। जन मंच में हिमाचली प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, विभिन्न राजस्व प्रमाण पत्र, मृदा स्वास्थ्य कार्ड इत्यादि भी जारी किए जाएंगे। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पैंशन, विधिक सहायता, पूर्व सैनिकों को सहायता से संबंधित कागजी कार्यवाही भी पूरी की जाएगी। केसी चमन ने इन ग्राम पंचायतों के सभी निवासियों से आग्रह किया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बघेरी में आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम का लाभ उठाएं।
प्रदेशाध्यक्ष सीटू हिमाचल प्रदेश विजेंद्र मेहरा ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट पूरी तरह कर्मचारी व मज़दूर विरोधी है। सरकार की पूंजीपतियों व उद्योगपतियों से सीधी मिलीभगत है परिणाम स्वरूप पूरे सार्वजनिक क्षेत्र को बेचने के दरवाज़े इस बजट व इस से पहले जारी किए गए आर्थिक सर्वेक्षण ने खोल दिये हैं। रेलवे में 150 निजी रेलें चलाना, एलआईसी व एयर इंडिया को बेचना, बीएसएनएल में 90 हज़ार कर्मचारियों को वीआरएस के लिए मजबूर करना, बैंकों का मर्जर कर तेरह हज़ार ब्रांचों को बन्द करना व लाखों कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की साज़िश रचना, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे सेवा क्षेत्र के बजट में भारी कमी, बंदरगाहों के निजीकरण की साज़िश ये सब उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने व उनकी मुनाफ़ाखोरी को बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। इस से सरकारी क्षेत्र में लाखों स्थायी सरकारी नौकरियां खत्म होंगीं। ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस के नाम पर चौबालिस श्रम कानूनों को खत्म करके केवल चार श्रम संहिताएं बनाना स्थायी मजदूरों के संविदाकरण, ठेकाकरण, फिक्स टर्म रोजगार को जन्म देगा व उनकी सामाजिक सुरक्षा को खत्म करेगा। कॉरपोरेट टैक्स को मोदी सरकार ने वर्ष 2014 की तुलना में लगभग आधा करके नए उद्योगों को प्रोत्साहित करने के नाम पर 15 प्रतिशत करके उन्हें लाखों करोड़ रुपये का फायदा दिया है जबकि 7वें वेतन आयोग व 15वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशों पर मजदूरों के वेतन को 21 हज़ार रुपये करने की मांग को सरकार ने बिल्कुल सिरे से खारिज कर दिया है। एनपीएस पर सरकार की खामोशी ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों की पोल खोल कर रख दी है। साफ नज़र आ रहा है कि यह सरकार किसके साथ है। शाइनिंग इंडिया व चमकते भारत के पूंजीपतियों व उद्योगपतियों के लिए लूट के सारे दरवाज़े खोल दिये गए हैं। सफरिंग इंडिया व तड़पते भारत के गरीबों,मजदूरों व कर्मचारियों का गला बुरी तरह घोंट दिया गया है। मोदीनोमिक्स व थालीनॉमिक्स की पोल खुल गयी है। यह बजट पूरी तरह पूंजीपति व उद्योगपति परस्त है। यह बजट गरीबों, मजदूरों व कर्मचारियों के लिए लॉलीपॉप व झुनझुना है।
शनिवार को वाई एन जी स्टूडियो पतलीकहुल के गायक सोनू ठाकुर का धमाका 2020 नाॅन स्टाॅप एलबम का विमोचन हिमाचल एकता मंच के चैयरमेन दीप लाल भारद्वाज व जय नाग धुम्बल प्रोडक्शन के मालिक नरेश कुमार ने किया। एलबम में सभी गीत कुल्लू के सराज क्षेत्र के हैं। गीतों की रचना स्वयं सोनू ठाकुर ने की है।इस गीत को योगी चौहान ने संगीत से संवारा है। बता दें इससे पहले सोनू ठाकुर की चौदह एलबम आ चुकी है। इसमें सोनू का देव गीत नारायण बहुत चर्चित रहा। यह एलबम म्यूज़िक राइडर्स युटयुव चैनल पर रिलीज हुई है। इस मौके पर संगीतकार निरज व योगी चौहान, दीप लाल भारद्वाज, नरेश कुमार, जय राम, रोहित खतरी, देवेन्द्र सोनी आदि मौजूद रहे। शीघ्र ही एलबम का विडियो भी रिलीज किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश विद्युत पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन दाड़लाघाट व नम्होल यूनिट की महत्वपूर्ण बैठक प्रधान सुखराम नड्डा की अध्यक्षता में मलोखर में हुई। महासचिव प्रेम केशव ने बताया कि इस बैठक में ग्राम पंचायत छकोह के साथ की सभी पंचायतों के अलावा दाड़लाघाट व नम्होल यूनिट के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इसी बैठक में 2003 के उस कानून का भी विरोध जताया गया, जिसके कारण लाखों कर्मचारी व पेंशनरों की पेंशन व सैलरी पर विपरीत असर पड़ेगा। बैठक में सुखराम नड्डा ने बताया कि सन् 2003 के बाद के कर्मचारियों को भी पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। बैठक में सभी सदस्यों ने प्रदेश विद्युत बोर्ड से आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रदेश सरकार की तर्ज पर महंगाई भत्ते की किश्त जारी करने का आग्रह किया। छकोह के साथ की पंचायतों के अलावा मांगल के इलाके से भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी हाजिरी दर्ज करवाई। इस अवसर पर सीता राम,परसराम शर्मा, लछु राम, मस्तराम, प्रेमचंद कौंण्डल, हरीमन, परस राम ठाकुर, रतन चौधरी, प्रेम केशव, तुलसीराम, चेतराम, कमलेश चौहान, नंदलाल ठाकुर, नंदलाल कपलास सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
कांग्रेस सेवादल के हमीरपुर जिला संयोजक राजीव चोपड़ा ने शनिवार को भाजपा में शामिल होकर कांग्रेस को करारा झटका दिया है। हमीरपुर में भाजपा जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा की मौजूदगी में राजीव चोपड़ा को विधिपूर्वक भाजपा में शामिल कर लिया गया। बलदेव शर्मा ने उन्हें भाजपा का पटका पहनाया और स्वागत किया। राजीव चोपड़ा ने भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस को त्यागने का फ़ैसला लिया है। जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने बताया कि शीघ्र ही कांग्रेस के कुछ लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
जिला मंडी की उप मंडल करसोग के पागना के गोड़न गांव की बेटी अंजना ठाकुर ने बिजली के करंट के कारण हुई दुर्घटना में दायाँ हाथ खोने के बावजूद जिंदगी से हार नहीं मानी। मुश्किलों से बाएं हाथ से लिखना सीखा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से अब वनस्पति शास्त्र में एमएससी करते हुए पहले प्रयास में वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के लिए चयनित हुई है। असिस्टेंट प्रोफ़ेसर के लिए राज्य परीक्षा ‘सेट’ वह पहले ही पास कर चुकी है। अंजना का सपना है प्रोफेसर बनना। शिक्षा सुरेश भारद्वाज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैज़ल, कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार और वनस्पति शास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. देसराज ठाकुर ने अंजना ठाकुर की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश की इस प्रतिभाशाली बेटी पर गर्व है। वह अपने सपने अवश्य पूरे करेगी। विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद (ईसी) के सदस्य एवं विकलांगता मामलों के नोडल अधिकारी प्रो.अजय श्रीवास्तव ने बताया कि आईआरडीपी परिवार की इस छात्रा ने दसवीं कक्षा से लेकर बीएससी तक हमेशा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। आजकल वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विद्योत्तमा गर्ल्स हॉस्टल में रहती है। मंडी जिला की उप तहसील पांगणा के गांव गोड़न की रहने वाली अंजना जब करसोग कॉलेज में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा थी, उसी दौरान करंट लगने के हादसे से उसका पूरा दायां हाथ काटना पड़ा। इस कारण उसकी पढ़ाई पर भी असर पड़ा और एक वर्ष का नुकसान हुआ। उसने जिंदगी के इस भयावह मोड़ को एक चुनौती माना और बाएं हाथ से लिखना सीखा। परिवार में मां चिंतादेवी, पिता हंसराज और बड़े भाई गंगेश कुमार ने हमेशा हौसला बढ़ाया। अंजना बताती है कि सीएसआईआर की जेआरएफ परीक्षा को भी उसने एक चुनौती की तरह देखा। रोज़ कई घन्टे की तैयारी की ताकि अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ने के लिए यह पड़ाव पार कर सके। अब विश्वविद्यालय और कॉलेज में सहायक प्रोफेसर बनने की पात्रता उसके पास आ गई है और पीएचडी में दाखिला भी आसान हो गया है। उमंग फाउंडेशन और डिसएबल द स्टूडेंट्स एंड यूथ एसोसिएशन (डीएसवाईए) से जुड़ी अंजना जेआरएफ में अपनी कामयाबी का श्रेय अपने शिक्षकों के आशीर्वाद को देती है। उसका कहना है कि दृढ़ संकल्प के साथ की गई कड़ी मेहनत रंग अवश्य लाती है।
हरलोग में व्यापारी वर्ग एवम टैक्सी ऑपरेटरों की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से पंचायत प्रधान कमलेश ठाकुर ने उपस्थिति दी। बैठक में हरलोग से सम्बंधित समस्याओं के ऊपर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि व्यापारी वर्ग एवम टैक्सी ऑपरेटरों के उत्थान के लिए एक संयुक्त मण्डल बनाना अत्यंत आवश्यक है। उसके तुरन्त पश्चात बैठक में सर्वसम्मति से मेहर चन्द को संयुक्त मण्डल का अध्यक्ष चुना गया। सचिव पद के लिए पवन को चुना गया। सलाहकार पद के लिए मान सिंह चन्देल को सर्वसम्मति से चुना गया, राकेश पाठक, संजीव कुमार, दिनेश कुमार, रणवीर सिंह, देश राज, महंत राम को सदस्य चुना गया।
बिलासपुर में उपायुक्त बिलासपुर राजेश्वर गोयल की अध्यक्षता में वाल्मिकी समुदाय की समस्याओं के निवारण के लिए बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला वाल्मिकी सभा बिलासपुर की ओर से प्रधान अशोक कुमार मौजूद रहे। प्रैस को जारी बयान में प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही वाल्मिकी समुदाय की दिक्कत एवं परेशानियों के समाधान को लेकर उन्होंने उपायुक्त बिलासपुर से समय की मांग की थी जिसके तहत इस बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि बिलासपुर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में वाल्मिकी समुदाय के लोगों के पास रहने के लिए जमीन तक नहीं है, उन्हें नियमानुसार भूमि अलाट की जाए तथा राजस्व रिकार्ड में भी जोड़ा जाए। उन्होंने बताया इस समुदाय के लोगों को जाति और हिमाचली प्रमाणपत्र बनाने में परेशानियों से जूझना पड़ता है, बिना इसके लोगों को सरकार की योजनाओं से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समुदाय से एक परिवार ऐसा भी है जो भाखड़ा विस्थापित होने के साथ भूमिहीन भी है। किराए के मकानों में अपना जीवन यापन कर रहे इस परिवार को कम से कम दो बिस्वा भूमि प्राथमिकता के तौर दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वाल्मिकी समुदाय के जो लोग किराए पर रह रहे हैं उन्हें सरकार की ओर से भूमि प्रदान की जाए ताकि वे अपना मकान बनाकर जीवन जी सके। इसके अलावा सफाई कार्य का निजीकरण बंद होना चाहिए व ठेका प्रथा पर अंकुश लगाया जाना चाहिए। अशोक कुमार ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि बिलासपुर में बन रहे एम्स प्रोजेक्ट में वाल्मिकी समुदाय के पढ़े लिखे युवक एवं युवतियों को भी प्राथमिकता के आधार पर रोजगार प्रदान किया जाए। उन्होंने बताया कि उपायुक्त बिलासपुर ने उनकी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
तहसीलदार बिझड़ी प्रेम सिंह भाटिया 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो गए हैं। सेवानिवृति के अवसर पर एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार की मौजूदगी में तहसील स्टाफ़ व अन्य लोगों द्वारा उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई। प्रेम सिंह भाटिया बिझड़ी से पहले जिला बिलासपुर के कौल डैम में फरबरी 2012 से बतौर नायब तहसीलदार अपनी सेवायें दे रहे थे ।पांच वर्ष चार महीने नायब तहसीलदार के रूप में सेवाए देने के बाद उन्हें तहसीलदार प्रमोट करके बिझड़ी तहसील का कार्यभार सम्भालने की जिम्मेवारी मिली थी । प्रेम सिंह भाटिया नें 1982 से पटवारी के रूप में अपना करियर शुरू किया था ।पटवारी की नौकरी करने के साथ साथ ही उन्होंने अपनी पढाई इग्नू के माध्यम से जारी रखी तथा 1989 में वे कानूनगो के रूप में सेवाए प्रदान करने लगे भाटिया नें अपने सम्बोधन में कहा कि सेवाकाल के दौरान उन्हें ढट्वाल के लोगों का भरपूर सहयोग व प्यार मिला जिसके वे सदैव आभारी रहेंगे।
प्रदेश सरकार द्वारा आम लोगों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा कार्यान्वित किए गए विशेष प्रचार अभियान के तहत पूजा कलामंच बाड़ीधार सरयांज के कलाकारों ने आज नालागढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत बघेरी में कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जहां लोगों का मनोरंजन किया वहीं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की। कलाकारों ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत लघु अवधि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए 8,000 उम्मीदवारों को पंजीकृत किया गया है। योजना के अंतर्गत अब तक 7627 युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। कलाकारों ने बताया कि योजना के तहत 18 से 35 वर्ष तक के बेरोजगार युवक-युवतियों को लैब तकनीशियन, प्रोडक्शन अथवा मशीन ऑपरेटर, मेडिकल सेल्ज रिप्रेजेन्टेटिव, क्वालिटी कन्ट्रोल केमिस्ट इत्यादि के लिए 3 से 5 माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। कलाकारों ने लोगों को योजना का लाभ लेने का तरीका एवं जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी प्रदान की। कलाकारों ने लोगों को बताया कि प्रदेश में 26 हजार युवाओं को लघु अवधि का कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रदेश के 38 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। 3000 युवाओं को विभिन्न ट्रेड्स में प्रशिक्षण के लिए पंजीकृत किया गया है। कलाकारों ने नुक्कड़ ‘ठगड़े री सीख’ के माध्यम से बताया कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पैंशन के तहत वृद्धावस्था पैंशन की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया है। वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन 1300 रूपये से बढ़कार 1500 रूपये की है। सामाजिक सुरक्षा पैंशन को 750 रुपये से बढ़ाकर 850 रुपये किया गया है। कलाकारों ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पैंशन के लिए पात्र व्यक्ति जिला कल्याण अधिकारी या तहसील स्तर पर तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बघेरी के प्रधान विजय कुमार, उप प्रधान राम प्रकाश, वार्ड सदस्य निर्मला रानी, दर्शना कौर, पोला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
राज्य में महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आरम्भ की गई हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत अब तक 02 लाख 62 हजार से अधिक पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस कुनेक्शन उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। यह जानकारी आज प्रदेश सरकार द्वारा आम लोगों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा धर्मपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत चामियां तथा गनोल में प्रदान की गई। विशेष प्रचार अभियान के तहत सप्तक कला मंच के कलाकारों ने लोगों को अवगत करवाया कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत पात्र परिवारों को लगभग 3500 रुपए मूल्य की किट निःशुल्क प्रदान की जाती है। पात्र परिवारों को गैस कुनेक्शन, चूल्हा, भरा हुआ गैस सिलेंडर, रेगुलेटर, सुरक्षा पाईप इत्यादि निःशुल्क प्रदान की जाती हैं। लोगों को अवगत करवाया गया कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना तथा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को एक अतिरिक्त रिफिल्ड सिलेण्डर देने का प्रावधान भी किया गया है। इस निर्णय से दो लाख से अधिक परिवार लाभान्वित होंगे। कलाकारों ने समूह गान ‘गांव में विकास की धारा’ के माध्यम से मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 आरम्भ की गई है। यह हेल्पलाइन रविवार को छोड़कर सप्ताह के 06 दिन सुबह 7.00 बजे से रात 10.00 बजे तक कार्य कर रही है। कलाकारों ने बताया कि अनुवर्ती कार्यक्रम के माध्यम से अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अन्य पिछड़े वर्ग के व्यक्ति जिनकी वार्षिक आय 35 हजार से कम हो तथा जिन्होंने आईटीआई या किसी अन्य प्रशिक्षण केन्द्र से प्रशिक्षण प्राप्त किया हो, को स्वावलंबी बनाने के लिए सिलाई मशीन व उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। अक्षिता कला मंच के कलाकारों ने कुनिहार विकास खंड की ग्राम पंचायत देवरा में आम जन को महिला कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि बेसहारा लड़कियों के विवाह के लिए आरम्भ की गई मुख्यमन्त्री कन्यादान योजना के तहत अनुदान राशि को 40,000 रुपए से बढ़ाकर 51,000 रुपए कर दिया गया है। अब तक 8206 पात्र कन्याओं को इस योजना के तहत लाभान्वित किया गया है। लोगों को बताया गया कि महत्वाकांक्षी बेटी है अनमोल योजना के अन्तर्गत बी.पी.एल परिवार की बालिका को दी जाने वाली एकमुश्त अनुदान राशि को 10,000 रुपए से बढ़ाकर 12,000 रुपए कर दिया गया है। कलाकारों ने इस अवसर पर लोगों को प्रधानमन्त्री मातृ वन्दना योजना, महिला स्वरोजगार सहायता योजना सहित सौर सिंचाई योजना एवं प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को अवगत करवाया गया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हाल ही में नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की इन्ट्रा स्टेट पीडीएस राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी योजना का शुभारंभ किया है। अब उपभोक्ताओं को बार-बार अपना डिपू बदलवाने की आवश्यकता नहीं होगी। उपभोक्ताओं के लिए फोर्टिफाईड गेंहू आटा उपलब्ध करवाने की योजना भी आरंभ की गई है। इस आटे में आयरन फोलिक एसिड और विटामिन बी12 जैसे पोषक तत्व हैं। यह आटा प्रदेश के लोगों के स्वास्थ्यवर्धन के लिए सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत देवरा की प्रधान अंजना ठाकुर, उप प्रधान अमर सिंह ठाकुर, पंचायत सचिव सावित्री देवी, वार्ड सदस्य हेमराज शर्मा, ताराचंद, संतोष देवी, ग्राम पंचायत चामियां की प्रधान लीला सिंह, उप प्रधान टीका राम, पंचायत सचिव रमा देवी, महिला मंडल प्रधान उमा देवी, वार्ड सदस्य मोहन लाल, मीरा देवी, ग्राम पंचायत गनोल के प्रधान निर्मल शर्मा, पंचायत सचिव पूनम ठाकुर, वार्ड सदस्य मोहन लाल, कमलेश, बिमला शर्मा तथा शांता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
घनागुघाट ग्राम पंचायत में प्रधान धनी राम रघुवंशी की अध्यक्षता में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। वहीँ बैठक में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को कुष्ठ रोग निवारण दिवस के रूप में आयोजित किया गया। पंचायत प्रधान धनी राम रघुवंशी ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि जिस प्रकार हमने अपनी पंचायत को चेचक और पोलियो रोग से मुक्त कर दिया है उसी प्रकार अब हमे इस पंचायत को कुष्ठ रोग से भी मुक्त करना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए हमारे स्वास्थ्य कार्यकर्ता गांव गांव में कुष्ठ रोग के बारे में लोगों को जागरुक कर रहे हैं और कुछ रोग के लक्षणों से अवगत करवा रहे हैं यदि किसी भी व्यक्ति को किसी संदिग्ध कुष्ठ रोगी का पता चलता है तो वह तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें। इस दौरान पंचायत प्रधान धनी राम रघुवंशी ने उपायुक्त सोलन का संदेश पढ़कर सुनाया व उपस्थित लोगों को शपथ दिलवाई इस अवसर पर आशा वर्कर गीता देवी,हीरादेई,पंचायत सचिव बलदेव ठाकुर,जोगिंदर,जगदीश, कमलेश कुमार,हेमन्त कुमार,ज्ञान चंद,प्रेम चंद उपस्थित रहे।
थाना हमीरपुर के अंतर्गत गांव चलोखर का साहिल जिसकी उम्र 18 वर्ष रंग सांवला है । 22 जनवरी से वो घर से लापता है। साहिल के पिता अजीत कुमार ने थाना हमीरपुर में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उनके अनुसार साहिल 22 जनवरी को नीली पेंट और काली जैकट पहन रखी थी। उसके पिता ने पुलिस से अपने बेटे साहिल को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। अगर किसी को साहिल के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो हमीरपुर थाने में या दूरभाष नंबर 01972-224306 पर संपर्क करें।


















































