कुल्लू : हिमाचल प्रदेश में होने वाले उपचुनावों में चारों सीटें कांग्रेस पार्टी जीतेगी और भाजपा को इन चुनावों में पूरी तरह से शिकस्त दी जाएगी। यह बात कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने जिला मुख्यालय कुल्लू में पत्रकारों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लोकसभा सीट और 3 विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं जिसके लिए कांग्रेस पार्टी पूरी रणनीति बनाने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दृष्टिगत वह मंडी जिला का दौरा कर चुके हैं और अब कुल्लू जिला का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान आनी बंजार विधानसभा क्षेत्रों में वह कार्यकारिणी की बैठक ले चुके हैं और रविवार को जिला मुख्यालय कुल्लू में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उप चुनावों को जीतने के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई और पार्टी को मजबूत करने पर बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से चुनाव जीतने में सक्षम है और भाजपा को इन चुनावों में पूरी तरह से पछाड़ा जाएगा। राठौर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार से आम जनमानस पूरी तरह से तंग आ चुके हैं। मंहगाई आसमां छू रही है डिपो से राशन गायब हो रहा है और जनता को राहत देने के लिए यह सरकार कुछ नहीं कर रही है ऐसे में इन उपचुनाव में भाजपा का जीतना नामुमकिन है। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में फोरलेन प्रभावितों को चार गुना मुआवजा देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद यह सरकार अपना वादा भूल गई है। लिहाजा कांग्रेस पार्टी इन उप चुनावों में भाजपा को हर मोर्चे पर गिराने वाली है। प्रदेश अध्यक्ष से बात करना हर कार्यकर्ता का हक : प्रदेश कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आनी दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रदेश अध्यक्ष से बात कर सकता है लेकिन इस प्रकरण में गुटबाजी जैसा कोई भी पहलू नहीं है। उन्होंने कहा कि काग्रेस पार्टी एकजुट है और हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी पार्टी को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने इस दौरान पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करें ताकि कांग्रेस पार्टी और मजबूत होकर आगे बढ़ सके। इस मौके पर उनके साथ कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर सहित कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अफगानिस्तान में तालिबान से बचाने के लिए काबुल से रविवार सुबह 168 भारतियों को भारत लाया गया। इसमें 24 सिखों में दो अफगान सीनेटर भी शामिल हैं। उनमें से एक सीनेटर थे जिनका नाम था नरेंद्र सिंह खालसा। उनकी आँखों में भारत पहुंचते ही आँसू आ गए। उन्होंने भारत लाए जाने प भारत सरकार को धन्यवाद दिया है। उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि वो यहां सुरक्षित पहुंच गए। उन्होंने कहा की "हमने 20 सालों में जो बनाया, सब खत्म हो गया"। काबुल में एयरपोर्ट तक पहुंचना ही बहुत मुश्किल था। C17 विमान 107 भारतीयों सहित 168 यात्रियों को लेकर रविवार सुबह करीब 10 बजे हिंडन एयरबेस पर पहुंचा। काबुल में फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए भारत को एक दिन में दो उड़ानें संचालित करने की अनुमति दी गई है। रविवार को अफगानिस्तान से तीन अलग-अलग अन्य उड़ानों से भी भारतीय वापस लाए गए। इनमें एयर इंडिया, इंडिगो और विस्तारा द्वारा संचालित- विमान शामिल हैं जो ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे और कतर के दोहा से होते हुए दिल्ली पहुंचे।
शिमला : सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा आयोजित 10 दिवसीय योग शिविर का समापन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में हुआ। 10 दिनों तक चले इस योग शिविर में योगाचार्य रिंकू द्वारा विभिन्न योगाभ्यासों के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने की विधियां बताई गई। योग शिविर के समापन समारोह में डॉ नागेश ठाकुर व डॉ बीआर ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉक्टर नागेश ठाकुर ने लोगों को बताया की किस प्रकार से कोरोना महामारी के इस दौर में योग ने एक औषधि के रूप में अपनी व्यापकता सिद्ध की है। साथ ही डॉक्टर बीआर ठाकुर ने इस अवसर पर सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट के इस कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए सभी से आग्रह किया की योग को सभी लोग अपने जीवन का एक अभिन्न अंग बनाएं। योग शिविर के समापन समारोह में ट्रस्ट के सचिव डॉ सुरेंद्र शर्मा द्वारा बताया गया की कोरोना के इस विकट दौर में सुनील उपाध्याय एजुकेशन ट्रस्ट विभिन्न माध्यमों से समाज में सेवा कार्य कर रहा है। चाहे वह जरूरतमंदो को राशन सामग्री बांटने की बात हो या फिर इस दौर में योग शिविरों के माध्यम से लोगों की शारीरिक क्षमता को बढ़ाने तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की बात हो। सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट अपनी सामाजिक जिम्मेवारी बखूबी निभा रहा है तथा आने वाले समय में भी सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट समाज में ऐसे कार्य करती रहेगी।
दाड़लाघाट : पठानकोट से शिमला जा रही एचआरटीसी बस एचपी-38डी-0539 जब कराडाघाट की उतराई में थोड़ी दूर पहुँची तो बस के पट्टे टूट जाने से एक बड़ा हादसा होते टल गया। हादसा शनिवार को पेश आया लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक एचआरटीसी की बस पठानकोट से शिमला जा रही थी इस दौरान शाम करीब 4:45 बजे के आसपास कराडाघाट की उतराई में बस सड़क से नीचे पैराफिट में टकरा गई और बस का एक तरफ का टायर झूल गया। गनीमत यह रही कि चालक की सूझभबूझ से बस में बैठी सभी सवारियों की जान बच गयी। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार गाड़ी के पट्टे टूटने की वजह से यह हादसा हुआ। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर लिया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में किसी भी सवारी को कोई चोट नहीं पहुंची लेकिन बस का एक टायर पैराफिट में झूलने से सबके हाथ पांव फूल गए। अगर बस सड़क से नीचे लुढ़क जाती तो जान माल का भारी नुकसान हो सकता था। हादसे के समय बस में 25 से 30 सवारियां सफर कर रही थीं। यात्रियों को बाद में दूसरी बस में भेजकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
शिमला : समस्त उपमण्डलाधिकारी अपने अपने क्षेत्र में कम लागत के छोटे-छोटे कार्यों की सूची बनाए जिसका लाभ जन सामान्य के व्यापक वर्ग को सुनिश्चित किया जा सके। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने शनिवार को यह निर्देश जिला के सभी उप मण्डलाधिकारियों से विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परस्पर विमर्श के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि यह सूची सोमवार तक बनाकर उपायुक्त कार्यालय को भेजी जाए ताकि इस पर तुरन्त कार्य आरम्भ कर आगामी छः महीने के भीतर इन कार्यो को पूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थानीय नागरिकों, पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा सदस्यों या फिर निर्वाचित प्रतिनिधियों से भी विचार विमर्श किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों के बातचीत कर सूचना एकत्रित कर सूची तैयार कर सकते है। उन्होंने कहा कि यह सूची लोगों की मांग के अनुरूप तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यो में निर्माण, सड़क तथा अन्य कार्यो के अतिरिक्त छोटे छोटे कार्य शामिल होने चाहिए। उन्होंने जिला में विभिन्न क्षेत्रों में लगने वाले ऑक्सीजन प्लांटस की स्थिति का जायजा लेते हुए इसे 29 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस सम्बधं में 25 अगसत को समीक्षा बैठक कर स्थिति से अवगत करवाने के सम्बन्ध में भी उप मण्डलाधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्बंधित खण्ड चिकित्सा अधिकारी तथा सम्बद्ध एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर ऑक्सीजन प्लांट के कार्य को समय अवधि के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुरूप सभी उप मण्डलाधिकारी तथा खण्ड विकास अधिकारी अपने अपने क्षेत्र की पंचायत टास्क फोर्स को पुनः क्रियाशील करें ताकि पंचायत में प्रधान की देखरेख में वैक्सीनेशन, टेस्टिंग तथा कोविड मामलों के रोगियों की पहचान में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी प्रधानों के साथ बैठक कर इस संबंध में व्यापक कार्य योजना तैयार करे। उन्होंने कहा कि शादी समारोह, सामाजिक समारोह अथवा देव अनुष्ठान में लोगों की भीड़ न लगने दें। कोविड मानक संचालन नियमों की अनुपालना का कड़ाई से पालन करवाना सुनिश्चित करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के प्रति कठोर दण्डात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी उपमण्डलाधिकारी आगामी चार-पांच दिनों में अपने क्षेत्र में 18 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को शत प्रतिशत वेक्सिनेशन लगाना सुनिश्चित करें ताकि पांच दिन के भीतर शत प्रतिशत वेक्सिनेशन रिपोर्ट सरकार को प्रेषित की जा सके। उन्होंने कहा कि पंचायतों के परिवार रजिस्ट्रर के आधार पर 18 वर्ष की आयु के आंकड़ों से चिन्हित कर शत प्रतिशत वेक्सिनेशन कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने जिला की देहां, जांगला, सरस्वती नगर, ननखड़ी, सराहन, तकलेच, कुपवी, नेरवा, जलोग तथा कलबोग पंचायतों में पंचायत भवनों के निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की। इस अवसर पर सहायक आयुक्त उपायुक्त डा0 पूनम तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।
शिमला : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 25 के अंतर्गत 4-शिमला संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 60-चौपाल, 61-ठियोग, 62-कुसुम्पटी, 63-शिमला, 64-शिमला ( ग्रामीण), 65-जुब्बल कोटखाई व 67-रोहड़ू (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र तथा 2-मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 66-रामपुर निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों की सूची को प्रारूप प्रकाशन के लिए तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त सूची की एक प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय शिमला में कार्यालय समय के दौरान 21 अगस्त 2021 से 27 अगस्त 2021 तक निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि सूची की स्थापना तथा समायोजन हेतु आपत्ती एवं सुझाव के लिए व्यक्तिगत अथवा डाक के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय में 27 अगस्त 2021 को सायं 5:00 बजे से पूर्व लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों की प्रस्तावना के प्रारूप पर प्राप्त हुई आपत्तियां एवं सुझाव के संबंध में 4 सितंबर 2021 को प्रातः 11:30 बजे संसद एवं विधानसभा सदस्य व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति द्वारा इस विषय पर सुझाव दिए जाते हैं तो वह निर्धारित बैठक में उपस्थित हो सकते हैं।
शिमला : कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशवासियों विशेष तौर पर महिलाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। राठौर ने कहा कि भाई बहन के आपसी प्रेमभाव और बहनों की रक्षा का प्रतीक राखी का यह त्यौहार भाई बहन के प्यार का अटूट विश्वास है जो हमारी समृद्ध संस्कृति को संजोय हुए है।
दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में एक बड़ा खेल मैदान बनेगा, बशर्ते उसके लिए पंचायत पर्याप्त भूमि उपलब्ध करवाएगी। भारत सरकार के सूचना प्रसारण एवं युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ये शब्द जन आशीर्वाद रैली के दौरान दाड़ला पंहुचने पर उस समय कहे जब ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान बंसी राम भाटिया, उपप्रधान हेमराज व पंचायत सदस्यों ने उन्हें इस बाबत एक मांग पत्र सौंपा। पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया ने बताया कि दाड़ला पंचायत में खेल मैदान हेतु कई दिनों से लोगों की मांग चल रही थी, इसे लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया था कि इस पंचायत में कोई ऐसा खेल मैदान बनवाया जाए जिसमें पंचायत अपने मेलों का आयोजन या नवयुवाओं की खेल प्रतियोगिताएं समुचित प्रकार से करवा सके। इसलिए उन्होंने इस मांग पत्र को युवा मामले एवं खेल मंत्री भारत सरकार के सम्मुख रखा, ऐसा सुनते ही मंत्री ठाकुर ने कहा कि आप भूमि उपलब्ध कराओ आपको खेल मैदान जरूर मिलेगा।
सोलन : जिला दण्डाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हरी ने कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत प्रदेश के मुख्य सचिव एवं राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में आवश्यक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार सोलन जिला में आवासीय विद्यालयों के अतिरिक्त अन्य सभी विद्यालय 28 अगस्त, 2021 तक बन्द रहेंगे। अध्यापक एवं गैर अध्यापन वर्ग पूर्व की भान्ति विद्यालय आएंगे। कोविड-19 महामारी के प्रसार को रोकने के लिए आवासीय विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा विकसित मानक परिचालन प्रक्रिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाएंगे। जिला दण्डाधिकारी ने आदेश दिए हैं कि सभी विभाग एवं सरकारी संगठन, पुलिस अधिकारी एवं कर्मी तथा स्थानीय प्रशासन यह सुनिश्चित बनाएंगे कि राज्य कार्यकारी समिति एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा कोविड-19 से बचाव के लिए जारी सभी आदेशों की अनुपालना हो। पुलिस अधीक्षक सोलन एवं बद्दी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन तथा सभी उपमण्डलाधिकारी पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय शहरी निकायों की सहायता से इन आदेशों का पूर्ण कार्यान्वयन सुनिश्चित बनाएंगे। इन आदेशों की अवहेलना तथा कोविड-19 से बचाव के लिए उपयुक्त व्यवहार की अनुपालना न करने पर दोषी के विरूद्ध आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 की धारा 51 से 60, भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह आदेश तुरन्त प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा आगामी आदेशों तक जारी रहेंगे।
दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत सुधार सभा दाड़लाघाट की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष एवं पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। महासचिव प्रेम केशव ने बताया कि बैठक में सुधार सभा के पूर्व उपप्रधान हरि सिंह ठाकुर व उनकी धर्मपत्नी के निधन पर एक साथ शोक प्रकट करते हुए उनके परिवार को संवेदना जाहिर करते हुए 2 मिनट का मौन रखा। सभा में जगदीश ठाकुर, हेतराम ठाकुर, हरिराम, भगतराम, लेखराम, पींकू, हरिचंद, बाबूराम शर्मा, प्रेमलाल ठाकुर, लोक राम, सुखराम, प्रेम केशव, हीरालाल ठाकुर, मीना ठाकुर, मोना देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कुनिहार : शुक्रवार को सोलन में प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई टिप्पणी पर जिला भाजपा ने पलटवार करते हुए कड़ी निन्दा की है। एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी इंदरपाल शर्मा ने कहा कि कल सोलन में कांग्रेस के नेताओ द्वारा अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर प्रेस वार्ता में की गई टिप्पणी की भाजपा जिला सोलन कड़ी निन्दा करती है। शर्मा ने कहा कि अनुराग ठाकुर के स्वागत में जिला सोलन के हर स्थान पर उनके स्वागत में उमड़े जन सैलाब को देखकर कांग्रेस वालो के होश उड़ गए है। उन्होंने कहा कि गुटबाजी भाजपा में नही बल्कि उनकी अपनी पार्टी में है जो जग जाहिर है इसलिए वे भाजपा की चिंता छोड़ अपनी पार्टी की चिंता करे जिसमे मुख्यमंत्री पद के लिए अभी से ही होड़ लगी हुई है और एक नही आधा दर्जन से ज्यादा दावेदार है। शर्मा ने कहा कि भाजपा अर्की उप चुनाव सहित प्रदेश के सभी उप चुनाव जीतेगी।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन जिला के सभी 05 निर्वाचन क्षेत्रों 50-अर्की, 51-नालागढ़, 52-दून, 53-सोलन (अनुसूचित जाति) तथा 54-कसौली (अनुसूचित जाति) के मतदान केन्द्रों की सूचियों का प्रारूप प्रकाशन शनिवार को कर दिया गया है। यह जानकारी शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने दी। कृतिका कुल्हरी ने कहा कि जिला के सभी 05 निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों की सूचियां जन साधारण की जानकारी एवं निरीक्षण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन सहित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की, नालागढ़ एवं सोलन के कार्यालयों में उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों की सूचियों के सम्बन्ध में आक्षेप एवं प्रस्तावनाएं सम्बन्धित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में 27 अगस्त, 2021 तक दाखिल की जा सकती हैं। प्राप्त दावों एवं प्रस्तावनाओं पर सुनवाई सांसद, विधायकों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में की जाएगी।
ज्वालामुखी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक चौहान ने प्रेस के जारी बयान में कहा की पूर्व विधायक संजय रतन के विकास कार्य से प्रभावित होकर ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से 15 लोगो ने भाजपा को छोड़कर ज्वालामुखी कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है जिनमे अधवानी पंचायत से बलवंत चौधरी, सतीश कुमार, सुभाष चंद, राम स्वरुप्प, कुलदीप कुमार, दिलीप कुमार, राकेश कुमार, ईश्वर दास, युवाओं में सौरव कौडल गुम्मर, मुनीश कुमार, सौरव वर्मा, रवि कुमार, जगदीश कुमार दरंग, रोहित, सक्षम जागोत्रा कथोग ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। इस मोके पर पूर्व विधायक संजय रतन ने कहा की ज्वालामुखी कांग्रेस में शामिल हुए सभी भाइयों का कांग्रेस पार्टी में स्वागत है, पार्टी में हर व्यक्ति पूरा मान सम्मान दिया और जिम्मेदारियां दी जाएगी। उन्होने कहा ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र से कोई भी व्यक्ति कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहेगा तो सभी के लिए हर वक़्त कांग्रेस पार्टी के दरवाजे खुले है। पूर्व विधायक संजय रतन ने कहा की ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र को विकास की बुलंदियों पर ले जाना ओर विधानसभा क्षेत्र के हर मतदाता के हितो की रक्षा करना ही मेरा लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर समाज के कमजोर वर्गों को आवश्यक वस्तुओं पर उचित अनुदान प्रदान कर राहत प्रदान की जा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के उपभोक्ताओं को 32 लाख लीटर खाद्य तेल प्रदान कर रही है। राज्य सरकार उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के लिए खाद्य तेलों में बी.पी.एल. परिवारों को 10 रुपये प्रति लीटर और ए.पी.एल. परिवारों को पांच रुपये प्रति लीटर रुपये की सब्सिडी प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के उपभोक्ताओं को और अधिक राहत प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने बी.पी.एल. परिवारों के लिए खाद्य तेलों पर आगामी चार महीनों के लिए अनुदान राशि दस रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये प्रति लीटर और ए.पी.एल. परिवारों के लिए पांच रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये प्रति लीटर करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से अगले चार महीनों में उपभोक्ताओं को 13 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय लाभ प्राप्त होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के 18.71 लाख कार्ड धारक लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं के प्रति हमेशा संवेदनशील रही है और उन्हें लाभान्वित करने के लिए समय-समय पर कई कदम उठाए हैं।
जम्मू-कश्मीर : पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने अज्ञात आतंकवादियों को ढेर कर दिया। ये मुठभेड़ शनिवार सुबह नागबेरन त्राल के वन क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में हुई। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि मारे गए सभी आतंकवादी प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े थे। आतंकियों को ढूंढ़ने के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। दो दिनों में इस जिले में मुठभेड़ की यह दूसरी घटना है। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन हंगलमर्ग के तहत, विक्टर फोर्स 17 अगस्त से ही नागबेरन और दाचीगाम वनों के ऊपरी इलाकों में तलाशी अभियान चला रहा है। इस दौरान शनिवार को सुबह 6:45 पर आतंकवादियों के साथ संपर्क स्थापित हुआ और ऑपरेशन में तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। उनके पास दो एके 47, एक एसएलआर और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। आतंकियों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि पुलवामा हमले में शामिल सैफुल्लाह लंबो को भी इसी इलाके में 31 जुलाई को मारा गया था। सुरक्षा बलों के इस ऑपरेशन ने एक बार फिर साबित किया है कि सुरक्षा बल घाटी में कश्मीरी लोगों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने में सक्षम होने के लिए अथक अभियान चलाने को प्रतिबद्ध हैं।
अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद अब अफगानिस्तान की स्थिति दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। तालिबानी लड़ाके हर रोज हिंसक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच एक बड़ी खबर आ रही है कि अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी का भाई हशमत गनी तालिबान में शामिल हो गया है। हशमत गनी ने तालिबान को समर्थन करने का एलान किया है। हशमत गनी के तालिबान में शामिल होने की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तालिबान के साथ हशमत गनी के आने से आतंकी संगठन को मजबूती मिलने के आसार हैं। इस बीच तालिबान का सह-संस्थापक बरादर काबुल पहुंच गया है। मिली जानकारी के अनुसार बरादर यहां सरकार बनाने को लेकर बातचीत करने पहुंचा है। हशमत गनी अशरफ गनी का भाई है और वह अफगानिस्तान की राजनीति और कूटनीति को काफी अच्छी तरह से जानता है और समझता है और इसका सीधा फायद तालिबान को मिलेगा। बताया जा रहा है कि हशमत गनी पहले से ही तालिबान को समर्थन देने का फैसला कर चुका था और जैसे ही अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा हुआ और वह आतंकी संगठन के साथ जुड़ गया। हालांकि, अफगानिस्तान का अगला राष्ट्रपति कौन होगा इसको लेकर तालिबान के नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। बताया जा रहा है कि मुल्ला बरादर को पहले तालिबान राष्ट्रपति बनाना चाहता था, लेकिन आतंकी संगठन के भीतर ही बरादर के खिलाफ आवाज उठने पर उसे राष्ट्रपति नहीं बनाया गया।
हमीरपुर : डॉ पुष्पेंद्र वर्मा फैन क्लब की तरफ से डिजिटल युग के जनक राजीव गांधी की जयंती पर निशुल्क चिकित्सा शिविर हमीरपुर के वार्ड न 7 में लगाया गया जिसमें 110 मरीजों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच और निशुल्क दवाइयां वितरित की गई। इस मौके पर डॉ पुष्पेंद्र वर्मा ने अपनी सेवाएं दी और उन्होंने संदेश दिया की हमें अपने उन महान नेताओं को हमेशा याद रखना चाहिए जिन्होंने एक विजन और दूरदर्शिता के साथ काम किया और इस भारत देश की पूरी दुनिया में पहचान बनाई। आज हम सबके सामने हैं कि राजीव गांधी ने जिस डिजिटल क्रांति की शुरुआत जो 1985 में शुरू की थी, उस क्रांति की वजह से ही आज भारत देश पूरी दुनिया में अपना परचम लहराए हुए है और यह किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया कि उन्होंने ऐसे महान नेता की जयंती को मनाने का अवसर उन्हें मरीजों की सेवा के रूप में प्रदान किया।
रोहड़ू : शुक्रवार को ग्राम पंचायत कुटाड़ा में जागृति अभियान के तहत ग्राम पंचायत प्रधान सहित करीब 70/80 महिलाओं तथा 20/30 किशोरियों को उनके कानूनी अधिकारो के विषय में जागरूक किया गया। इसके साथ ही नशा निवारण, साईबर क्राईम, आत्म रक्षा व हेल्प लाइन न0 आदि के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वहां पर उपस्थित महिलाओं के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा बड़ी शालीनता के साथ उनके प्रश्नों के उत्तर दिये गये। ग्राम पंचायत कुटाड़ा की महिला मंडल की महिलाओं ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रखने की अपील की।
दाड़लाघाट : शिमला मंडी नेशनल हाइवे पर दानोघाट (मधुबन) के समीप एक विशाल काम जर्जर पेड़ दुर्घटना को निमंत्रण दे रहा है। बता दें कि किसी दुर्घटना को निमंत्रण देता यह पेड़ एनएच के बिल्कुल साथ लगती पहाड़ी से नीचे को झुका पड़ा है और कभी भी बरसात या तेज हवा के चलने से मलबे के साथ गिर सकता है जिससे किसी भी वाहन या राहगीर को जानी नुकसान पहुंचा सकता है। क्योंकि पिछले वर्ष भी बरसात में शील मन्दिर के पास एक ऐसा ही पेड़ सड़क में आ गिरा था, पर गनीमत यह रही थी कि वह हादसा आधी रात में पेश आया व उस समय कोई भी जानमाल का कोई नुकसान नही हुआ था। गौर रहे आजकल प्रदेश में अधिक बरसात होने से कई जगह पेड़ व पहाड़ दरकने से हादसे पेश आ रहे हैं, परंतु सम्बंधित विभाग है कि इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहा बल्कि अनहोनी का इंतजार कर रहा है। स्थानीय लोगों में ओमप्रकाश शर्मा, संतराम, मस्तराम, नीम चंद शर्मा, टेक चंद ठाकुर, श्याम, मस्तराम शास्त्री, मनसा राम ने कहा कि इस क्षेत्र में एनएच पर अभी भी कई ऐसे पेड़ हैं जो कभी भी हादसे को न्यौता दे सकते है। इसलिए संबंधित विभाग को चाहिए की इन पेड़ों को जल्द से जल्द कटवा कर इन पेड़ों से होने वाले हादसे को रोका जा सके। इस बारे में रेंजर ब्रांच ऑफिस दानोंघाट सत्यदेव शुक्ला ने कहा है कि यह मामला मीडिया के माध्यम से ही मेरे ध्यान में आया है, अगर ऐसा है तो इन जगहों पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा और पेडों को चिह्नित कर आगे की कारवाई की जाएगी।
मनाली : आधुनिक भारत के प्रणेता युवाओं के प्रिय भारत मां के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर मनाली विधानसभा कांग्रेस कमेटी ने राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनाली में मरीजो को फल इत्यादि वितरित करके उन्हें याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनाली में भर्ती मरीजों का हालचाल भी जाना। मनाली विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी की वजह से ही आज भारत में सूचना प्रौद्योगिकी का विकास हुआ और इसी वजह से आज पूरी दुनिया में सूचना प्रौद्योगिकी के लिए भारत को जाना जाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पंचायती राज व्यवस्था में स्थान देना राजीव गांधी का एक बहुत बड़ा क्रांतिकारी कदम था। इन्हीं के प्रयासों से भारत में वोट देने के लिए आयु 18 साल निश्चित की गई। जिससे भारतीय युवा पंचायती राज व्यवस्था और राजनीति के प्रति जागरूक हुए। शिक्षा के प्रति भी राजीव गांधी का अपना एक महान नजरिया था जिसके फलस्वरूप जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना की गई। हरी चंद शर्मा ने कहा की राजीव गांधी सही अर्थों में आधुनिक भारत के निर्माता हैं। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव राजीव किम्टा, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य नवीन तंवर, कुल्लू जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता उपकार व्यास, मनाली शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष तारु नेगी, मनाली विधानसभा कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव जोगिंदर ठाकुर, कुल्लू जिला कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष रंजीता, मनाली सिटी महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानू, जिला महिला कांग्रेस महासचिव रोशनी, कुल्लू जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष अनुराग प्रार्थी, मनाली इंटक अध्यक्ष दुर्गादत्त, मनाली सिटी कांग्रेस उपाध्यक्ष जगदीश देशी, कुल्लू जिला कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया संयोजक नरेश ठाकुर, कुल्लू जिला कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया सहसंयोजक राजीव जास्पा, मनाली विधानसभा कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया सहसंयोजक सुशील ठाकुर, मनाली विधानसभा कांग्रेस के अन्य कांग्रेस जन गोकुल, संतोष, दीपक इत्यादि कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिमला : पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व० राजीव गांधी की 77वीं जयंती के अवसर पर हिमाचल NSUI की राज्य इकाई द्वारा प्रदेशभर के सभी जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। NSUI के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश प्रभारी गौरव तुषिर ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन के दिशानिर्देशों पर कोविड महामारी के बीच जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से देशभर के सभी राज्यों में रक्तदान शिविर आयोजित कर राजीव गाँधी को श्रद्धांजलि दी गई। गौरव तुशीर ने कहा कि भारत मे कंप्यूटर क्रांति की शुरुआत कर देश को सूचना व प्रोद्योगिकी का हब बनाने का श्रेय भारत रत्न राजीव गांधी को ही जाता है। युवाओं को 18 वर्ष से वोट देने का अधिकार भी राजीव गांधी के प्रयासों की ही देन है। प्रदेश अध्यक्ष छत्तर ठाकुर ने कहा कि NSUI द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में रक्तदान शिवर का आयोजन किया गया जिसमें NSUI पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं सहित आम छात्रों व युवाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया जिसमें पुरे प्रदेश भर से लगभग 500 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
शिमला : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मिडिया विभाग के चेयरमेन हर्षवर्धन चौहान ने कांग्रेस पार्टी के मिडिया विभाग को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ताओं को जिला एवं मण्डल स्तर पर कार्यभार आवंटित किए है जो कि आवंटित जिला एवं मण्डल स्तर पर समन्वय निगरानी एवं मिडिया विभाग की गतिविधियों का कार्य देखेगे। हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि कुलदीप सिंह पठानियां को जिला चम्बा के साथ-साथ धर्मशाला व नुरपुर मण्डलों का कार्यभार सौंपा गया है। सोहन लाल ठाकुर जिला मण्डी, बिलासपुर व लाहुल स्पिति में मिडिया विभाग का कार्यभार देखेगे। संजय रत्न को जिला हमीरपुर व कुल्लू के साथ-साथ देहरा व पालमपुर मण्डलों का कार्यभार सौंपा गया है। नरेश चौहान जिला शिमला, सोलन व किन्नौर में कांग्रेस पार्टी के मिडिया का कार्य देखेगे। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि दीपक शर्मा को जिला सिरमौर व ऊना का कार्यभार दिया गया है।
ठियोग : सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला रमणीक शर्मा ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के दिशा निर्देशानुसार कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय समिति ने शुक्रवार को ठियोग, ठियोग बजार, जगेरी गांव, फागू, कुफरी, हसनवेली तथा दयोरीघाट टीका केन्द्र आदि का औचक निरीक्षण किया और आम जनता, पर्यटकों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों व दुकानदारों को कोविड नियमों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि दयोरीघाट में कोविड टीकाकरण केन्द्र में लोगों को टीकाकरण एवं कोरोना प्रोटोकॉल के बारे में जागरूक किया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला रमणीक शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आम जनता तथा पर्यटकों को मास्क पहनने और कोविंड प्रोटोकॉल की अनुपालना सुनिशित करने के संबंध में भी जागरूक किया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला ने विभिन्न जगहों पर कोविड जागरूकता शिविर लगाए तथा प्रवासी मजदूरों को भी टीका लगाने के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि वैकसीन लगाने के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करे, मास्क लगा कर रखे, उचित दूरी बनाए रखे तथा भीडभाड़ वाले क्षेत्रों में न जाए। लोगों ने शिविरों में बढ़ चढ़ कर भाग लिया तथा कोविंड प्रोटाकाल के पालन करने का आश्वासन दिया।
शिमला : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी सजंय दत्त ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि उन्हें राजीव गांधी के आदर्श व कार्यो से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से सोनिया गांधी, राहुल गांधी पार्टी की मजबूती के लिए कार्य कर रहें है, उसी मजबूती के साथ हम सबको कार्य करना है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भारत रत्न राजीव गांधी की 77वीं जयंती के अवसर पर आयोजित सेमिनार को सम्बोधित करते हुए दत्त ने कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल मे उनके निर्णयों से देश मजबूत हुआ है। देश की प्रगति में गांधी परिवार का बहुत बड़ा हाथ रहा है। दत्त ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता और अंखडता के लिए अपना बलिदान दिया और हमें इस बलिदान को याद रखते हुए उनके पदचिन्हों पर चलना है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह कांग्रेस के 70 सालों का हिसाब मांग रही है, जबकि उन्होंने सात साल के अपने इस कार्यकाल में देश की सम्पतियों को बेच दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ससंद के अंदर कांग्रेस के किसी भी सवाल पर चर्चा नही करती। उन्होंने कहा की देश की समस्याओं, किसानों की मांगों से मोदी सरकार भाग रही है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। दत्त ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस एकजुटता के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने आज राजीव गांधी की जयंती पर प्रदेशभर में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि जो एकता की विरासत प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह छोड़ गए है, उसी विरासत को मजबूत करते हुए सभी को आगे बढ़ना है। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सेमिनार की अध्यक्षता करते हुए राजीव गांधी के साथ बिताए अपने पलो को याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी विलक्षण प्रतिभा के व्यक्ति थे। उनकी सोच युवाओं को आगे बढ़ाने और देश को एकजुट रखने के साथ साथ सभी के समान अधिकारों की पक्षधर थी। राठौर ने कहा कि 1982 में जब राजीव गांधी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव बने और उन्हें युवा व एनएसयूआई का प्रभार दिया गया तो उनसे समय समय पर उनका सीधा संवाद होता था, क्योंकि वह उस समय प्रदेश में एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष थे। उन्होंने कहा कि उनकी दर्दनाक हत्या के बाद कांग्रेस में जो शून्य पैदा हुआ वह आज दिन तक नही भरा जा सका है। राठौर ने कहा कि राजीव गांधी देश मे एक समान शिक्षा नीति के पक्षधर थे। इसी उद्देश्य के लिए उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना की। देश मे कम्प्यूटर क्रांति, आई टी क्रांति उन्ही की देन है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि आज सोनिया गांधी, राहुल गांधी मजबूती के साथ पार्टी को आगे बढ़ा रहें है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के इतिहास से छेड़छाड़ कर अपनी राजनैतिक रोटियां सेंक रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने राजीव गांधी के नाम से दिया जाने वाले खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि वह लोगों के दिलों से उनके नेताओं का नाम नही मिटा सकते। कांग्रेस उपाध्यक्ष विधायक रामलाल ठाकुर ने इस दौरान कहा कि पहाड़ी राज्यों विशेषकर हिमाचल के विकास में ग़ांधी परिवार का बहुत बड़ा हाथ है। राजीव गांधी को अपनी श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि वह गरीबों, दलितों के मसीहा थे। देश मे आई टी क्षेत्र हो महिलाओं के अधिकार पंचायती राज संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण राजीव गांधी ने ही दिया था। सेमिनार को पूर्व विधायक आदर्श सूद, शर्मिला पटियाल, डॉ.मस्त राम शर्मा व डॉ.दलीप सिंह धीमान ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सेमिनार में उपस्थित सभी लोगों को देश की एकता और अंखडता कायम रखने के प्रति शपथ भी दिलवाई।
भारत रत्न देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी की 77वीं जयंती पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें याद किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में छोटा शिमला स्थित सदभावना चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा को कांग्रेस नेताओं ने पुष्प अर्पित कर राजीव भवन तक सदभावना मार्च का आयोजन किया। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त, कांग्रेस उपाध्यक्ष रामलाल ठाकुर, कांग्रेस महासचिव महेश्वर सिंह पांडू, सोनिया चौहान, सचिव हरिकृष्ण हिमराल, बलदेव ठाकुर, आंनद कौशल, धर्मपाल ठाकुर, अभिषेक राणा, राकेश चौहान पांडे, जिला शिमला शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, ग्रामीण अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण वनिता वर्मा, रामकृष्ण शांडिल के अतिरिक्त सैकड़ो पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी इस मार्च में शमिल रहें।
हमीरपुर : डिपो संचालक समिति ने अपनी माँगों को लेकर प्रदेश भर के हर जिला में 23 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक सांकेतिक धरने का ऐलान किया है। यह जानकारी प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने ज़ारी ब्यान में बताया कि प्रदेश डिपो संचालक समिति ने प्रदेश सरकार के समक्ष अपनी माँगों को रखा लेकिन आज तक प्रदेश सरकार ने हमारी माँगों को पूरा करने के बजाय हमेशा हमें आश्वासन ही दिए जिसके विरोध में सोमवार को प्रदेश भर में संकेतिक धरना देनें का निर्णय समिति द्वारा लिया गया है।
ज्वालामुखी के पूर्व विधायक एवम प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता ने ज्वालामुखी में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने देश की अखंडता, एकता के लिए और आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने को लेकर अपने प्राणों का बलिदान दिया था। स्व. गांधी देश के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाले प्रधानमंत्री थे। देश के विकास में उनकी अग्रणी भूमिका रही। कंप्यूटर और मोबाइल युग उन्हीं की देन है। संचार क्रांति लाने वाले प्रधानमंत्री को देश कभी भूल नहीं पाएगा। संजय रत्न ने कहा कि गांधी परिवार का इतिहास कुर्बानियों से भरा रहा है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने मॉडर्न इंडिया का सपना देखा था, जबकि आइटी सेक्टर में तरक्की, कंप्यूटर का युग, पंचायती राज और 18 साल की आयु में युवा को मत का अधिकार देने के लिए देश में प्रयास राजीव गांधी ने ही किए थे, जिसके बाद से लोकतांत्रिक तरीके से हर 18 वर्ष की आयु वाला नागरिक अपने मत का इस्तेमाल कर सकता है। संजय रत्न ने कहा कि राजीव गांधी के बलिदान को न देश भूला है और न ही कभी भूल पाएगा। उनमें देश को आगे बढ़ाने की दृढ़ इच्छाशक्ति थी।
कुल्लू : जिला की गड़सा घाटी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वीरवार देर रात को गड़सा घाटी के ठेला गांव के उपर स्थित खणी गांव में मजदूरों के बीच हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी है। जबकि हत्यारोपी अपने दो बच्चों सहित फरार हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार खणी गांव में बगीचे में काम कर रहे नेपाली व बिहार के मजदूरों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसी दौरान एक बिहार निवासी मजदूर राम चंद की हत्या कर दी गई और आरोपी नेपाली मजदूर खड़ग बहादुर मौके से फरार हो गया। जानकारी मिली है कि खड़ग बहादुर अपने 5 साल के बेटे व 7 साल की बेटी को लेकर रात को ही घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भुंतर थाने से एसएचओ पुलिस दल सहित मौके के रवाना हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।कुल्लू : जिला की गड़सा घाटी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वीरवार देर रात को गड़सा घाटी के ठेला गांव के उपर स्थित खणी गांव में मजदूरों के बीच हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी है। जबकि हत्यारोपी अपने दो बच्चों सहित फरार हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार खणी गांव में बगीचे में काम कर रहे नेपाली व बिहार के मजदूरों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसी दौरान एक बिहार निवासी मजदूर राम चंद की हत्या कर दी गई और आरोपी नेपाली मजदूर खड़ग बहादुर मौके से फरार हो गया। जानकारी मिली है कि खड़ग बहादुर अपने 5 साल के बेटे व 7 साल की बेटी को लेकर रात को ही घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भुंतर थाने से एसएचओ पुलिस दल सहित मौके के रवाना हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
केंद्र सरकार पिछले कुछ समय से ऑटो सेक्टर में इलेक्ट्रिक व्हीकल को बढ़ावा देने पर जोर देती आ रही है। इसी कड़ी में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए सरकार ने दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे को ई-व्हीकल फ्रेंडली हाईवे के तौर पर तैयार कर लिया है। सरकार के अनुसार ये देश का पहला ई-व्हीकल फ्रेंडली हाईवे है। भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने गुरुवार एक वर्चुअल कार्यक्रम में हरियाणा के कर्ण लेक रिजॉर्ट में अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ किया। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय की फेम-1 योजना के तहत इस हाइवे पर चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क तैयार किया है. सौर ऊर्जा से चलने वाला ये चार्जिंग स्टेशन हर प्रकार के ई-व्हीकल को चार्ज कर सकता है।
आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार लाल निशान पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 581.19 3.74 अंक (1.04 फीसदी) नीचे 55048.30 के स्तर पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 174.30 अंकों (1.05 फीसदी) की गिरावट के साथ 16394.50 के स्तर पर खुला। एशियाई शेयरों में शुक्रवार को गिरावट आई क्योंकि तेजी से फैल रहे डेल्टा वैरिएंट से आर्थिक विकास की चिंताएं बढ़ा दी है। 19 अगस्त 2021 को मुहर्रम के पर्व पर घरेलू शेयर बाजार बंद रहा।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर देश में गरीबी बढ़ाने का आरोप लगाते हुए हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश में गरीबी को बढ़ा रही है। इसके अलावा उन्होंने एक बार फिर ‘न्याय’ योजना लागू करने की बात कही। राहुल ने कहा कि गरीबों को 6000 रुपये की मासिक मदद देने की जरूरत है। राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी सरकार देश में बढ़ा रही है ग़रीबी। 13.4 करोड़ भारतीय 150 रुपये प्रति दिन से कम कमा रहे हैं। इन परिवारों को न्याय योजना के तहत 6000 रुपये महीना क्यों ना दिया जाए?’’
शिमला: भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शिमला ग्रामीण के घन्नाहट्टी में मंत्री अनुराग ठाकुर का स्वागत किया और जन आशीर्वाद यात्रा के तहत अनुराग ठाकुर को आशीर्वाद दिया। गाजे बाजे, आतिशबाजियों के साथ केंद्र मंत्री का स्वागत किया गया। स्वागत में उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश काश्य, मंत्री सुरेश भारद्वाज, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, ज़िला अध्यक्ष रवि मेहता, मंडल अध्यक्ष दिनेश ठाकुर उपस्थित रहे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आपके दिए प्रेम से आप अब का हमेशा के लिए सेवक हो गया हूं। उन्होंने प्रबुद्ध जनता का इस अवसर पर धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आप सबने इस बेटे को आशीर्वाद देने में कोई कसर नही छोड़ा यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है, जो मान सम्मान नरेंद्र मोदी ने हिमाचल को दिया है इससे हिमाचल का गौरव बड़ा है। उन्होंने कहा नरेंद्र मोदी स्वयं हिमाचल के प्रभारी रह चुके है, अभी मैं भाजपा मुख्यालय से आ रहा हूं वहाँ भी उनकी पट्टिका लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते है और जिस प्रकार से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल को आगे ले जा रहे है वो सब जानते है। आज हमने मिलकर आपने प्रदेश को और आगे लेजाना है। कार्यक्रम के दौरान पूरा शोघी बाजार भारत माता की जय के नारों से गुंजा उठा।
सर्राफा बाजारों में सोने-चांदी के भाव में जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहा है। आज 24 कैरेट गोल्ड का दाम 135 रुपये चढ़कर 47 हजार 411 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। वहीं अगर चांदी की बात करें तो इसमें 117 रुपये की तेजी के साथ 62,250 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा है। मुहर्रम के कारण गुरुवार को बाजार बंद था। बुधवार को सोने के दाम में एमसीएक्स पर गिरावट दर्ज की गई थी। बुधवार को सोना 47,235 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 63,843 रुपये प्रति किलोग्राम पर बाजार में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहा था।
हिमाचल प्रदेश में सभी स्कूल अब 30 अगस्त तक बंद रहेंगे। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने बीते दिनों मंत्रिमंडल की बैठक में 22 अगस्त तक स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया था। लेकिन शुक्रवार को जारी नए आदेशों के तहत अब स्कूल 28 अगस्त तक बंद रहेंगे। वहीं, 29 और 30 अगस्त को सरकारी अवकाश है। ऐसे में 30 अगस्त तक स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि, सभी शिक्षकों और गैर शिक्षकों को सरकारी अवकाश को छोड़कर स्कूलों में नियमित तौर पर आना अनिवार्य रहेगा। शिक्षक स्कूलों से ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई करवाएंगे। पांचवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूलों में शिक्षकों से परामर्श लेने के लिए पूर्व में की गई व्यवस्था पर रोक रहेगी।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर चांगो के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में वाहन में सवार हांगो निवासी महिला की मौके पर ही मौत गई। वाहन चालक व अन्य महिला घायल है। घायलों को उपचार के लिए चांगो अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही किन्नौर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची व मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बता दें कि किन्नौर जिले में जगह-जगह से भूस्खलन के मामले सामने आ रहे हैं।
शिमला: केंद्रीय युवा सेवाएं एवं खेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की कला और संस्कृति को आगामी 10 वर्षों के दौरान विश्व पटल पर पहचान दिलाना मेरी प्राथमिकता है। राजधानी शिमला के होटल पीटरहॉफ में पत्रकारों को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की कला और संस्कृति का अपना अलग महत्व है। अनुराग ठाकुर ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो विश्वास हिमाचल के लिए दिखाया है उसके लिए प्रदेश उनका ऋणी रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड संकटकाल में तीन बजट दिए जोकि एतिहासिक है। उन्होंने कहा आत्मनिर्भर भारत बनाना केवल स्लोगन नहीं है इसकी प्रेक्टिकल संभावना को पूरा करना सबसे बड़ी प्रमाणिकता है। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल हमारा बड़ा अभियान है, इसमें हमें हिमाचल के सभी स्थानीय वस्तुओं एवं संस्कृति को बढ़ावा देना है। हिमाचल के संगीत में मिठास है जोकि पूरे देश में चर्चित है, हमें अपनी संस्कृति को बढ़ावा देना है। हम अपनी इस विरासत को लुप्त नहीं होने देंगे, पूरे विश्व में पहुंचाएंगे यह हमारा संकल्प है। हमारे प्रदेश की चित्रकला दुनिया मे कुछ भी प्रभाव छोड़ सकती है हमें इसे दुनिया तक पहुंचना है। उन्होंने पत्रकारों के जवाब में कहा जहां जमीन मिलेगी हम खेलों को बढ़ावा देने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। इस विषय में राजनीतिक कटाक्ष से बेहतर है कि एक स्वर में हिमाचल को आगे ले जाने में काम करें।
हिमाचल प्रदेश में सस्ते राशन की दुकानों में उड़द, चना दाल और सरसों तेल के दाम घटाने के बाद अब रिफाइंड के रेट भी कम हो सकते हैं। रिफाइंड के दाम प्रति लीटर 5 से 10 रुपये तक घट सकते हैं। बीते जून में उपभोक्ताओं को 109 रुपये में रिफाइंड दिया गया था। जुलाई और अगस्त में सिर्फ सरसों तेल ही दिया गया। अब सितंबर में रिफाइंड देने की तैयारी है। खाद्य आपूर्ति निगम ने रिफाइंड के टेंडर को लेकर कंपनियों से आवेदन मांगे थे। पांच कंपनियों ने आवेदन किया है। सोमवार को निगम कार्यालय में कंपनियों की टेक्निकल बीड खुलेगी। बता दें कि बाजार में रिफाइंड प्रति लीटर 160 से 170 रुपये में मिल रहा है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के उपमंडल करसोग के रामपुर सड़क मार्ग के किनारे फिरनु में देर रात रेत की खान की पहाड़ी दरकने से 2 व्यक्ति मलबे में दब गए। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि अवैध खनन के चलते यह हादसा हुआ। जब देर रात पहाड़ी से रेत निकली जा रही थी उस वक्त अचानक रेत की पहाड़ी दरक गई और दो व्यक्ति इसकी चपेट में आ गए, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घयल हो गया। मृतक की पहचान नंद लाल (57) पुत्र हिमानंद निवासी फिरनु के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति की पहचान रामकृष्ण पुत्र मंगत राम निवासी तेबन के रूप में हुई है जो कि आईजीएमसी में उपचाराधीन है।
लगातार तीसरे दिन डीजल के दाम में गिरावट दर्ज की गई है। डीजल के दाम में जहां 20 पैसे की कमी हुई है। डीजल के दाम में कटौती के बाद दिल्ली अब इसकी कीमत 89.27 रुपये प्रति लीटर हो गई है तो वहीं पेट्रोल के दाम पिछले करीब 34 दिनों से जस के तस बन हुए हैं। पेट्रोल अभी भी दिल्ली में 101.84 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पिछले तीन दिनों में डीजल 60 पैसा सस्ता हो गया है। इससे पहले गुरुवार और बुधवार को भी डीजल की कीमतों में 20-20 पैसे की कमी दर्ज की गई थी। डीजल के दामों में कमी के कारण इसके उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिलती दिखाई दे रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार सुस्ती का दौर बना हुआ है। कीमतों में भारी गिरावट के कारण क्रूड ऑयल का दाम बीते चार महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है।
जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा के पंपोर इलाके में आज सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जानकारी दी है कि सुरक्षाबलों ने फिलहाल पूरे इलाके की घेरा बंदी कर ली है और मुठभेड़ अभी भी जारी है। पुलिस ने बताया है कि मारा गया आतंकी कौन है और किस आतंकी ग्रुप से जुड़ा हुआ था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हमें पंपोर इलाके में कुछ आतंकियों के छुपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद जब हमारे जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन करने गए तो आतंकियों ने उनपर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में जब सुरक्षबलों ने गोली चलाई तो एक आतंकी मारा गया।
धर्मशाला: पुलिस थाना धर्मशाला के तहत काला पुल में एक विवाहित प्रेमी जोड़े ने जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने वाला जोड़ा ऊना जिले का बताया जा रहा है। सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि जिला ऊना के पंजोआ क्षेत्र से भागे एक प्रेमी जोड़े ने धर्मशाला के काला पुल स्थित एक निजी होटल में जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। दोनों ने बुधवार रात को जहर निगल लिया था और गुरुवार सुबह होटल स्टाफ को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक मृतक शिक्षक था और उसके दो बच्चे भी हैं। अभी करीब 15 दिन पहले उसके घर में दूसरी बेटी हुई है। बताया जा रहा है शिक्षक की पत्नी भी अध्यापिका है। शादी के बाद दोनों संपर्क में आए। काजल के भी दो बच्चे हैं। वहीं मृतक महिला का पति ऑटो मोबाइल कंपनी में नौकरी करता है। किसी विवाद के कारण दोनों अपने घरों से भागकर धर्मशाला आ गए थे। यहां बुधवार रात को दोनों ने जहर निगल लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत परवाणू में स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सेहजल द्वारा किया गया। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, मंत्री सुखराम चौधरी, राजीव बिंदल, पुरषोत्तम गुलेरिया, के एल ठाकुर, रश्मि धर सूद, डेज़ी ठाकुर , ज़िला अध्यक्ष आशुतोष वैद्या व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का हिमाचल आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा का आज से हिमाचल में शुभारम्भ हो गया है, हिमाचल की जनता में इस यात्रा और अनुराग ठाकुर के आगमन में जनता में भारी जोश है। हमारे लिए सौभाग्य की बात की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के युवा को मंत्रिमंडल में स्थान दिया था। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल में देश के सभी वर्गों को जगह दी , प्रधानमंत्री का हार्दिक अभिनंदन। वंही, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जनता का धन्यवाद किया कि वह उनको इस बारिश के मौसम में भी आशीर्वाद देने आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद की प्रधानमंत्री ने इतने छोटे से राज्य से इतनी छोटी आयु में मुझे आपने मंत्रिमंडल में मौका दिया है। मोदी चाहते थे कि मंत्रिमंडल का परिचय लोक सभा मे हो पर कांग्रेस ने ऐसा नहीं होने दिया, हमारे मंत्रिमंडल में हर वर्ग का ख्याल रखा है। केंद्र का मंत्रिमंडल आज तक का सबसे युवा मंत्रिमंडल है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूरे भारत के सम्पूर्ण विकास के लिए तत्पर है।
शिमला में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जिला में हुए इस हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई, जबकि एक घायल हुआ है। ठियोग के सैंज में रेवल पुल के पास सुबह तीन बजे के करीब एक बलेरो पिकअप (HP30A-0292) हादसे की शिकार हो गई। इस पिकअप में तीन लोग सवार थे। इस हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग घायल हुआ है। ये तीनों व्यक्ति पिकअप में सेब लेकर जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे में जान गवाने वालों की पहचान अनूप( 27) व प्रताप सिंह ( 33) पुत्र कांशी राम निवासी बागधा, धमांदरी (ठियोग) के रूप में हुई है। 15 वर्षीय दीपक पुत्र बेली राम निवासी डलेऊ, चियोग (घायल ) के रूप में हुई है। घायल को उपचार के लिए आईजीएमसी भेज दिया है।
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बुधवार शाम 7 बजे से शाम 7.10 बजे के बीच विमान हाइजैक करने को लेकर धमकी भरा फोन कॉल आया। कॉल बंगाली भाषा में थी और जिसने कॉल किया उसने अपना नाम शांत बिस्वास बताया था। पुलिस ने कहा कि वे उस व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं जिसने कॉल कर धमकी दी और आगे बताया कि उसने कॉल यह कहते हुए डिस्कनेक्ट कर दिया कि वह मजाक कर रहा था। एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कॉल किस फ्लाइट से की गई और इसका ब्योरा अभी पता नहीं चल पाया है। गौरतलब है कि अफगानिस्तान में तालिबान का कब्जा है और ऐसे धमकी भरे कॉल सुरक्षा एजेंसियों को परेशान कर सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के थानामंडी इलाके में आतंकियों के साथ जारी मुठभेड़ में एक जवान के शहीद होने की खबर सामने आयी है। इसी इलाके में 6 अगस्त को पुलिस ने 2 आतंकियों को मार गिराया था। उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले में सुरक्षा बलों ने थानामंडी क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिलने के बाद तलाश अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। आतंकवादियों की गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया। राजौरी के पुलिस अधीक्षक नबी कासबा ने बताया की मुठभेड़ अभी भी जारी है।
पश्चिम बंगाल सरकार को बड़ा झटका लगा है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने चुनाव बाद हिंसा मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही कोर्ट ने एसआईटी टीम के गठन का भी निर्देश दिया है और राज्य सरकार को पीड़ितों को मुआवजा देने के लिए कहा है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के मामलों में हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध, बलात्कार सहित मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपों की अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने अन्य सभी मामलों की जांच एसआईटी को सौंपी है।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामले फिर बढ़ने पर प्रदेश सरकार चार जिलों में सीरोलॉजिकल (सीरो) सर्वे करवाएगी। इसमें लोगों में विकसित इम्युनिटी का पता लगाया जाएगा। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते यह सर्वे जिला कांगड़ा, चंबा, ऊना और मंडी में करवाया जाएगा। प्रदेश में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 2700 पार हो गया है। इसमें 400 के करीब 18 साल से कम उम्र के युवा और बच्चे शामिल हैं। मामले बढ़ने पर सरकार ने स्कूल 22 अगस्त बंद कर दिए हैं। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन कार्य करने वाले आईसीएमआर संस्थान से सीरो सर्वे करवाने का आग्रह किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने टीम भेजने की हामी भरी है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा कि आईसीएमआर कुल्लू जिले में सीरो सर्वे कर चुका है। इसमें 62 फीसदी लोगों में इम्युनिटी विकसित होने की पुष्टि हुई थी।
हिमाचल में स्कूल बैग का मामला काफी समय से लटका हुआ था। लेकिन अगले महीने से प्रदेश के सरकारी स्कूल के तीसरी, छठी और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूल बैग मिलना शुरू हो जाएंगे। खाद्य आपूर्ति निगम ने बुधवार को बैग को लेकर आमंत्रित किए गए टेंडर की टेक्निकल बीड खोल दी है। टेंडर में कुल 8 कंपनियों ने भाग लिया था। इसमें से चार कंपनियों के सैंपल फेल हुए है। वंही 4 कंपनियों ने सैंपल पास किए है। इन कंपनियों के बीच रेट को लेकर प्रतिस्पर्धा होगी। अगले सप्ताह फाइनेंशियल बीड खोली जानी है। इसमें जिस भी कंपनी का रेट कम आएगा, उसे सप्लाई ऑर्डर दिया जाएगा।
भारत के खिलाफ तालिबान अपने रंग दिखने लगा है। तालिबान ने भारत से आयात और निर्यात पर रोक लगा दी है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन के मुताबिक, तालिबान ने पाकिस्तान के ट्रांजिट रूट्स से होने वाली सभी कार्गो मूवमेंट रोक दी है। जिसका असर दिल्ली समेत देश के कई शहरों में दिखने लगा है। ड्राई फ्रूट्स के दामों में जबरदस्त बढ़ोतरी हो गई है। दिल्ली के सबसे बडे़ ड्राई फ्रूट्स मार्केट खारी बाबली में ड्राई फ्रूट्स 20 फीसदी तक महंगे हो गए हैं। भारत में एक हफ्ते के भीतर ही ड्राई फ्रूट्स के दाम 200-250 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं। अफगानिस्तान से पिस्ता, बादाम, अंजीर, अखरोट जैसे बहुत से ड्राई फ्रूट्स भारत आते हैं। कारोबारियों का कहना है कि 15-20 दिन से कोई माल नहीं आ रहा है, इस वजह से बाजार में सूखे मेवे की किल्लत होने लगी है। वहीं रक्षाबंधन आ रहा है इसलिए भारत में सूखे मेवे की मांग भी बढ़ गई है। भारत के लिए अफगानिस्तान सूखे मेवे का एक बड़ा स्रोत है। यहां बादाम, अखरोट जैसे सूखे मेवे की भरपूर पैदावार होती है। लेकिन अब तालिबान ने एक बार फिर अफगानिस्तान में अपना कब्जा जमा लिया है। इससे दोनों देशों के कारोबारी रिश्ते प्रभावित हो सकते हैं। जानकारों का कहना है कि तालिबान युग में भारत-अफगानिस्तान के रिश्ते पहले जैसे रहना संभव नहीं होगा।
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच हिमाचल प्रदेश सरकार ने लाखों उपभोक्ताओं को मामूली राहत दी है। राशन डिपुओं में उड़द, चना दाल और सरसों तेल के दाम घटाए गए हैं। हालांकि, मलका और महंगी कर दी गई है। सरकार की ओर से जारी नए दामों के अनुसार अंत्योदय व एपीएल राशन कार्ड उपभोक्ताओं को मलका दाल के लिए प्रति किलो तीन रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। उड़द और चना दाल प्रति किलो दो-दो रुपये सस्ती की गई है। अंत्योदय व एपीएल उपभोक्ताओं को प्रति लीटर सरसों तेल तीन रुपये सस्ता मिलेगा। वहीं, टैक्स देने वाले उपभोक्ताओं को मलका दाल चार रुपये महंगी मिलेगी। उड़द व चना दाल पर प्रति किलो दो-दो रुपये जबकि सरसों तेल की खरीद पर एक रुपये की छूट मिलेगी। सरकार ने हाल ही में टेंडर करवाए थे। इसके चलते अब उपभोक्ताओं को नए दामों के मुताबिक राशन मुहैया करवाया जाएगा।


















































