सोलन जिले के पहलेे सरकारी ऑक्सीजन प्लांट से अगले सात दिनों में ऑक्सीजन उत्पादन शुरू हो जाएगा। क्षेत्रीय अस्पताल में शुक्रवार को हाइटेक पीएसए ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट स्थापित हो गया है। शुक्रवार को ऑक्सीजन उत्पादन मशीनरी, टैंक और अन्य सामान पहुंच गया है। मशीनरी लगने के तुरंत बाद प्लांट शुरू हो जाएगा। खास बात यह है कि डीआरडीओ के तैयार इस प्लांट में ऑक्सीजन उत्पादन की क्षमता एक मिनट में एक हजार लीटर की होगी। इससे जिले के अन्य अस्पतालों में भी ऑक्सीजन की कमी को दूर किया जाएगा। इस प्लांट के साथ क्षेत्रीय अस्पताल के सभी वार्ड जुड़ेंगे और इसके लिए 190 प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन ने इस कार्य के लिए 96.56 लाख का प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा है। अनुमति के बाद यह कार्य जल्द पूरा होगा। अस्पताल प्रशासन को ऑक्सीजन सिलिंडर रिफिल करवाने के लिए बार-बार प्लांट नहीं जाना पड़ेगा। टाटा कंपनी के विशेषज्ञों ने इसे अस्पताल में स्थापित किया है। ऑक्सीजन प्लांट के शुरू होने के बाद कोविड सहित सांस की तकलीफ झेल रहे मरीजों को काफी फायदा होगा। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएल वर्मा ने बताया कि इस प्लांट से आगामी सात दिनों में ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू होगा। यह जिले का पहला सरकारी ऑक्सीजन प्लांट है।
प्रदेश सरकार द्वारा कोविड-19 की जांच के लिए संचालित की जा रही जीवन धारा वैन के उपयोग में सोलन जिला प्रदेशभर में प्रथम स्थान पर रहा है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल ने दी। डाॅ उप्पल ने कहा कि जीवनधारा वैन के माध्यम से 11 मई से 7 जुलाई तक सोलन जिला में कोविड संक्रमण की जांच के लिए 2700 कोविड-19 परीक्षण किए गए। उन्होंने कहा कि जीवनधारा सचल वाहन सोलन जिला के गांव-गांव में कोविड-19 परीक्षणों की दिशा में न केवल लोगों को जागरूक कर रहा है अपितु उन्हें यह बताने में भी सफल रहा है कि यह परीक्षण बहुमूल्य मानव जीवन बचाने में सहायक है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में मोबाइल प्राथमिक स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र (जीवनधारा) के माध्यम से कोविड-19 परीक्षण किए जा रहे हैं। प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, शिमला, चंबा, कुल्लू, सिरमौर और सोलन जिले में 10 जीवनधारा वैन लोगों को सेवा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला के दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों का कोविड-19 के लिए परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिए विभिन्न उपायों की जानकारी भी प्रदान की गई। डाॅ.उप्पल ने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन के समस्त चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, पैरामेडिकल कर्मियों तथा जीवनधारा टीम में तैनात सदस्यों फार्मासिस्ट हिमांशु, प्रयोगशाला सहायक सुरेंद्र तथा चालक सुरेश को बधाई दी है। जिला के औद्योगिक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की कोविड-19 के लिए जांच की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से आग्रह किया है कि कोविड-19 से बचाव के लिए प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनें, समुचित सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें तथा बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहें। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य करवाएं और खांसी, जुखाम तथा बुखार जैसे लक्षण होने पर अपना परीक्षण अवश्य करवाएं।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के टीकाकरण केंद्र में शुक्रवार को इंटरनेट व्यवस्था ठप हो गई। इस कारण लोगों को एक घंटे तक टीका लगवाने के लिए इंतजार करना पड़ा। इसके बाद डोंगल से इंटरनेट कनेक्शन देकर काम चलाया गया। जानकारी के अनुसार अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में शुक्रवार को यह मामला करीब सवा दस बजे सामने आया। इससे पहले अस्पताल में टीका लगवाने के लिए पंजीकरण का कार्य चला हुआ था। इंटरनेट बंद होने के बाद यहां तैनात स्टाफ ने कुछ देर तक इंटरनेट चलने का इंतजार किया। जब इंटरनेट दुरुस्त नहीं हुआ लंबा होने लगा तो स्टाफ एकदम हरकत में आ गया। इसके बाद सारी व्यवस्था जांची गई लेकिन कोई फाल्ट नहीं मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन को बताया गया। इस दौरान टीकाकरण केंद्र में वैक्सीन लगवाने वालों की काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। टीका लगवाने के लिए अधिक लोगों के पहुंचने से कतारें सर्जिकल वार्ड तक पहुंच गईं। इस पर चिकित्सा अधीक्षक ने काम चलाने के लिए डोंगल उपलब्ध करवाया।
हाल ही में CBSE द्वारा 12वीं कक्षा के घोषित किये गए परीक्षा परिणामों में BL Central Public School Shamti, सोलन के विद्यार्थियों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। स्कूल का रिजल्ट 100% रहा और 27 विद्यार्थियों ने 90% से ऊपर अंक हासिल किए है। रेहा सिंगला 97.8% के साथ स्कूल में प्रथम स्थान पर रही। रेहा मेडिकल स्ट्रीम की विधार्थी है। इसी के साथ स्पृहा आनंद 96.4% के साथ दूसरे व अमितेश गुप्ता 95.8% के साथ तीसरे स्थान पर रहे। स्पृहा और अमितेश दोनों ही विद्यार्थी नॉन मेडिकल स्ट्रीम के विद्यार्थी है। इसी के साथ 120 में से 80 विद्यार्थी मेरिट लिस्ट में रहे है। स्कूल में 90% से ऊपर 27 विद्यार्थी, 75% से ऊपर 53 विद्यार्थी और 60% से ऊपर 35 विद्यार्थी रहे। BL School ने 2020 -21 के इस सत्र में 12वीं कक्षा का 100% परिणाम हासिल किया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारी के क्रम में जिला सोलन में कोविड-19 सैम्पलिंग के कार्य को गति प्रदान की जा रही है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने आज यहां दी। डाॅ. उप्पल ने कहा कि इस तैयारी के दृष्टिगत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिला के विभिन्न होटलों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक स्थानों में कोविड-19 के लिए जांच करवाने के लिए आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान की शुरूआत आज विकास खण्ड सोलन की ग्राम पंचायत शमरोड़ के पर्यटक स्थल धारों की धार से की गई। धारों की धार स्थित निजी होटल हेवन रिट्रीट में आज अभियान के तहत 40 व्यक्तियों का कोविड-19 जांच के लिए रेपिड एंटीजन टेस्ट (आरएटी) किया गया। इन सभी लोगों की कोविड-19 रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। यह परीक्षण विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. अजय सिंह की देखरेख में किए गए। इस अवसर पर डाॅ. अजय सिंह ने स्टाफ नर्स भानू, सोनिया, नेहा और महिमा के साथ होटल हेवन रिट्रीट, होटल शेरपा तथा होटल सिलवान के कर्मचारियों का परीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि कोविड-19 जांच के लिए विभिन्न विद्यालय, महाविद्यालय, निजी संस्थान, होटल जैसे व्यापारिक संस्थान एवं अन्य इकाईयां स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सम्पर्क कर परीक्षण के लिए बुकिंग करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके उपरान्त विभाग की टीम सम्बन्धित इकाई में पहुंचकर कर्मचारियों का कोविड-19 जांच के लिए रेपिड एंटीजन टेस्ट सुनिश्चित बनाएगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनें, समुचित सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें तथा बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहें। डाॅ.उप्पल ने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 से पूर्ण बचाव के लिए टीकाकरण के उपरान्त भी सावधानी बरतनी आवश्यक है। इसके लिए जरूरी है कि शत-प्रतिशत जनसंख्या का कोविड-19 परीक्षण सुनिश्चित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सोलन द्वारा विभिन्न संस्थानों को इस दिशा में पत्र लिखकर आग्रह किया गया है। स्वास्थ्य विभाग परीक्षण के लिए पूर्ण रूप से तैयार है और सहमति उपरान्त शीघ्र परीक्षण सुनिश्चित बनाया जाएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ राजीव सैजल 1अगस्त को कसौली विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आ रहे हैं। डॉ.सैजल 1 अगस्त को प्रातः 10.30 बजे पाईनग्रोव स्कूल के समीप विंडसर रिजोर्ट में कसौली विधानसभा क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
सोलन जिला के कुनिहार स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 11 अगस्त को सोलन के पूर्व निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार के प्राचार्य डी.एस. रावत ने दी। डी.एस. रावत ने कहा कि यह परीक्षा पूर्व निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षार्थी अपना प्रवेश पत्र नवोदय विद्यालय समिति की वैबसाईट से डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी का प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं होता है तो वह जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार के कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस पर प्रातः 10.00 बजे से सांय 4.00 बजे तक यह प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
दी कोऑपरेटिव सोसाइटी के अंतर्गत जोगिंद्र बैंक दाड़लाघाट के कार्यक्रम में भाजपा उपाध्यक्ष व हिमको फेडरेशन के चेयरमैन रत्न सिंह पाल ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। जोगिन्द्रा बैंक दाड़लाघाट ने ट्रांसपोर्टर के लिए ढाई लाख मल्टीएक्स और 6 चकी ट्रक के लिए डेढ़ लाख रुपये की लिमिट लांच की, जिससे आसानी से हर ऑपरेटर को लिमिट मिल सके और आसानी से अपना काम से चला सके। इसके लिए ट्रांसपोर्ट सोसायटी की अंडरटेकिंग और दो ट्रान्सपोर्ट ग्रांटर पर लिमिट दी जाएगी और इसके इलावा कोई अन्य फॉर्मेलिटी नही ली जाएगी।जोगिन्द्रा बैंक प्रबंधक बीआर कौशल ने बताया कि स्कीम से ट्रान्सपोर्ट को बहुत लाभ होगा। कोई भी जरूरत पड़ने पर आसानी से अपना काम चला पाएंगे। जिसका एमओयू सभा और बैंक के बीच आज साइन किया गया। जोगिन्द्रा बैंक प्रबंधक बीआर कौशल ने बताया कि इस कार्यक्रम में योगेश भरतिया चैयरमेन जोगिन्द्रा बैंक, एमडी जोगिन्द्रा बैंक, एजीएम जोगिन्द्रा बैंक दाड़लाघाट, जोगिन्द्रा बैंक प्रबंधक और सभी सोसायटी के आमन्त्रित ट्रान्सपोर्टरों ने भाग लिया। इस स्कीम को लाने के लिये बैंक प्रबंधक, चैयरमेन हिमको फेडरेशन और चैयरमेन जोगिन्द्रा बैंक का सभी ट्रांसपोर्टर ने धन्यवाद किया।
राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक द्वारा अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से पंचायत बरायली के गांव चल्यवान में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह पौधरोपण कार्यक्रम नाबार्ड के 40वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन मंडलाधिकारी कुनिहार हेमंत कुमार गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। उन्होंने कहा कि रोपित किए पौधों को उचित देखरेख पर बल दिया जाना चाहिए ताकि आयोजन की सार्थकता सिद्ध हो सके।नाबार्ड द्वारा अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के माध्यम से कुनिहार विकास खण्ड में 9 जलागम व जलवायु प्रूफिंग परियोजनाओं का परिचालन किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत इस वर्ष लगभग 14000 पौधे लगाए जा चुके हैं व कुल 25000 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है।वृक्षारोपण कार्यक्रम में करीब 70 लोगों ने प्रतिभाग किया जोकि स्वयं सहायता समूहों, कृषक उत्पादक संगठनों व ग्राम जलागम समिति बरायली फगवाना से सम्बद्ध थे। सदस्यों ने लगभग 0.6 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 350 अनार (दाडु), सम्मी तथा वट के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर जिला विकास प्रबन्धक सोलन अशोक चैहान, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन से यूनिट हैड मनोज श्रीवास्तव, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन से भूपेन्दर गांधी व टीम से सदस्य, रेंज अधिकारी किशोर भारद्वाज, डिप्टी रेंज अधिकारी एसडी शुक्ला, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुराग व वन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष नीम चंद ठाकुर की अध्यक्षता में आम सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपप्रधानाचार्य प्रकाश बटू ने आम सभा में उपस्थित सभी अभिभावकों का स्कूल की तरफ से स्वागत किया।अध्यक्ष नीम चंद ने अपने कार्यकाल में स्कूल के विकास में किए गए कार्यों का व लेन देन का लेखा जोखा रखा जिसका सभी उपस्थित लोगों ने अनुमोदन किया। अध्यक्ष नीम चंद ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। राज्य पुरस्कार से सम्मानित प्रवक्ता नरेंद्र कपिला ने शिक्षा के क्षेत्र में अभिभावकों व अध्यापकों का बच्चों के प्रति क्या योगदान होना चाहिए तथा किस प्रकार से बच्चों को संस्कारित शिक्षा प्रदान करनी चाहिए ताकि आने वाली हमारी पीढ़ी संस्कारयुक्त बन सके और एक अच्छे देश का निर्माण हो सके की जानकारी दी। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने आम सभा में उपस्थित सभी अभिभावकों को विद्यालय में भविष्य में होने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया तथा सभी अभिभावकों से दसवीं से लेकर बाहरवीं कक्षा तक के बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की व सभी बच्चों की सुरक्षा का आश्वासन दिया। स्कूल प्रबंधन समिति का अगले तीन वर्षों के लिए गठन किया गया।जिसमें सर्वसम्मति से एक बार फिर से नीम चंद ठाकुर को अध्यक्ष चुना गया।कार्यकारिणी में सदस्य सुनील कुमार, राजेन्द्र कुमार, प्रेम भगत, सरिता, ममता, लता देवी, अनिल कपिल, त्रिलोक ठाकुर, अंबालिका, अरुणा चंदेल, नरेंद्र हांडा, धर्म पाल, कविता शर्मा, फूला देवी, देवेन्द्र, गीता राम, मेहर चंद, मीणा व नीलम को चुना गया। अंत में नीम चंद ने सभी का धन्यवाद किया।
डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में एक महीने से चल रहे वन महोत्सव अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसके तहत विश्वविद्यालय के कीट विज्ञान विभाग द्वारा पौधारोपण अभियान चलाया गया। विभाग के वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने सुभाष पालेकर प्राकृतिक कृषि अनुसंधान फार्म पर नए बाग़ीचे लगाने के लिए पौधे रोपे। औद्यानिकी महाविद्यालय की डीन डॉ अंजु धीमान की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम चलाया गया। इस अवसर पर कीट विज्ञान विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ राज कुमार ठाकुर, विश्वविद्यालय में सुभाष पालेकर प्राकृतिक कृषि परियोजना के समन्वयक डॉ सुभाष वर्मा सहित विभाग और परियोजना में कार्य कर रहे सभी वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने पौधे लगाए। इस अवसर पर अमरूद, अनार के पौधे लगाए गए। इन पौधों पर प्राकृतिक कृषि के तहत अनुसंधान किया जाएगा। इसके अलावा चारे के लिए बीयूल और कचनार के पौधे भी रोपे गए। विश्वविद्यालय द्वारा पिछले एक माह से वन महोत्सव मनाया जा रहा है जिसमें 4700 से अधिक पौधे रोपे जा रहे है। 1 जुलाई से शुरू हुए इस कार्यक्रम का समापन 4 अगस्त को डॉ यशवंत सिंह परमार जयंती को किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्रों और क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्रों और औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नेरी और थुनाग में भी इस दिन वन महोत्सव मनाया जाएगा।
जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की जिला स्तरीय त्रिमासिक बैठक शुक्रवार आज यानि 30 जुलाई को जिला अध्यक्ष केडी शर्मा की अध्यक्षता में पट्टा महलोग के अम्बिका माता मन्दिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों की विभिन्न मांगों व समस्याओं पर चर्चा की गई। केडी शर्मा ने अपने सम्बोधन में पेंशनरों से कहा कि पेंशनर समय-समय पर अपनी मांगे सरकार से करते रहे हैं लेकिन सरकार हमारी मांगों की अनदेखी कर रही है। पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों को नए वेतन आयोग की घोषणा कर चुकी है और यह नया छठा वेतन आयोग जुलाई 2021 से लागू हो चुका है लेकिन हिमाचल सरकार इसे लागू करने में भी टालमटोल कर रही है। केडी शर्मा ने पुरानी मांगों को दोहराते हुए कहा कि जो पेंशनर्ज 65, 70 व 75 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके है उन्हें 5,10 व 15 प्रतिशत लाभ उनके मूल वेतन में देने की अपील सरकार से की है। पेंशनरों के मैडिकल बिलो की समय पर अदायगी न होने पर पेंशनरों ने खेद व्यक्त किया तथा मेडिकल बिलो की अदायगी समय पर करने की मांग की गई। उपायुक्त सोलन से संघ की लम्बे समय बैठक नही बुलाई गई है उपायुक्त सोलन से जल्द बैठक बुलाने की मांग की गई है ताकि उपायुक्त के माध्यम से अपनी मांगे सरकार तक पहुंचाई जा सके। इस बैठक में जिला की नई कार्यकारिणी के गठन बारे विशेष रूप से चर्चा की गई। बैठक में जिला के वरिष्ठ उप प्रधान जीआई भारद्वाज, महासचिव जगदीश पवंर, कोषाध्यक्ष मनसा राम पाठक, पट्टाबरावरी-हरिपुर यूनिट प्रधान व जिला प्रेस सचिव डी डी कश्यप, सायरी यूनिट के प्रधान बेली राम राठौर,पट्टा यूनिट के प्रधान बलदेव सिंहसोलन यूनिट के प्रधान मनोहर सिंह कंवरकुनिहार यूनिट के प्रधान जगदीश सिंहअर्की यूनिट के प्रधान कृष्ण सिंह चौहान, पुलिस संगठन के प्रधान धनी राम तँवर, रोशन लाल, उदय राम चौधरी, सूर्यकांत जोशी, रूपराम शर्मा, अन्तराम वर्मा, हेमचन्द कश्यप आदि मौजूद रहे।
मंगलवार से जारी लगातार लोगों के लिए आफत बन रही है। अत्याधिक बारिस से जगह-जगह भूस्खलन से सड़के बन्द हो रही है किसानों की फसलें बर्बाद हो रही है तो वन्ही कुनिहार विकास खण्ड के अंतर्गत हाटकोट पंचायत के खटनाली नाले में इस बारिस से भारी भूमी कटाव होने से आदर्श प्राथमिक पाठशाला कुनिहार के शौचालय खतरे की जद में आ गए है, तो वन्ही हॉर्टिकल्चर विभाग की खटनाली नर्सरी को जाने वाला रास्ता पूरी तरह से नाले में समा गया है। इस नाले में हर बरसात में पिछले कई वर्षों से भूमी कटाव होता चला आ रहा है। कई पंचायत प्रधान अपना कार्यकाल पूरा करके चले गये, परन्तु कोरे आश्वाशनो के सिवाय धरातल पर कोई प्लांनिग के साथ किया कार्य नजर नही आया। नाले से एक ओर जंहा वार्ड नम्बर 1 की आबादी खतरे में है, तो दूसरी ओर आदर्श प्राथमिक पाठशाला कुनिहार, खण्ड विकास कार्यालय व बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की ओर भूमी कटाव तेजी से होने लगा है। हाटकोट पंचायत प्रधान जगदीश अत्री से जब इस विषय पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस समस्या को जनमंच सहित सरकार व प्रशासन के समक्ष कई बार रखा जा चुका है। लोक निर्माण विभाग, खण्ड विकास सहित कई सम्बंधित विभागों के समक्ष यह मसला उठाया जा चुका है। पंचायत में इस नाले में हो रहे कटाव को रोकने के लिए प्रस्ताव डाले गये है व जल्द ही इस कटाव को रोकने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से कोई कारगर कदम उठाये जाएंगे, ताकि लोगो की इस समस्या का हल हो सके।
राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा आज अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से अर्की उपमण्डल के अन्तर्गत चल्यवान गांव में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह पौधरोपण कार्यक्रम नाबार्ड के 40वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन मंडलाधिकारी कुनिहार हेमंत कुमार गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। उन्होंने कहा कि रोपित किए पौधों को उचित देखरेख पर बल दिया जाना चाहिए ताकि आयोजन की सार्थकता सिद्ध हो सके। नाबार्ड द्वारा अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के माध्यम से कुनिहार विकास खण्ड में 9 जलागम व जलवायु प्रूफिंग परियोजनाओं का परिचालन किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत इस वर्ष लगभग 14000 पौधे लगाए जा चुके हैं व कुल 25000 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में करीब 70 लोगों ने प्रतिभाग किया जो कि स्वयं सहायता समूहों, कृषक उत्पादक संगठनों व ग्राम जलागम समिति बरयाली फगवाना से सम्बद्ध थे। सदस्यों ने लगभग 0.6 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 350 अनार (दाडु), सम्मी तथा वट के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर जिला विकास प्रबन्धक सोलन अशोक चैहान, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन से यूनिट हैड मनोज श्रीवास्तव, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन से भूपेन्दर गांधी व टीम से सदस्य, रेंज अधिकारी किशोर भारद्वाज, डिप्टी रेंज अधिकारीएसडी शुक्ला, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुराग व वन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने आज कण्डाघाट में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कोविड-19 के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर से निपटने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसे संकट को निष्प्रभावी बनाने के लिए ग्राम स्तर तक पंचायत प्रतिनिधियों को अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करना होगा। उपायुक्त ने नगर पंचायत कण्डाघाट के पार्षदों एवं उपमण्डल की सभी ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में कोविड-19 से बचाव के लिए नियमों का पूर्ण पालन करवाएं। उन्होंने कहा कि लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर उचित प्रकार से मास्क पहनने, बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करने तथा सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करने के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए सभी का टीकाकरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए पंचायत प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी को निर्देश दिए उपमण्डल में कोविड-19 की नियमित सैम्पलिंग की जाए तथा यह सुनिश्चित बनाया जाए कि एक घर से एक सदस्य की कोविड जांच अवश्य करवाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी स्तरों पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कार्य किया जा रहा है और राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला के सोलन, अर्की तथा कण्डाघाट के चायल में ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। बैठक में अवगत करवाया गया कि कण्डाघाट उपमण्डल में 30383 लोगों का कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 24375 व्यक्तियों को टीके की प्रथम डोज तथा 6008 व्यक्तियों को टीके की द्वितीय डोज दी जा चुकी है। इस अवसर पर नगर पंचायत कण्डाघाट के उपाध्यक्ष मुनीष सूद, कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं अन्य पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी डाॅ. विकास सूद, तहसीलदार अमन राणा, खण्ड विकास अधिकारी एच.सी. शर्मा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डाॅ. संगीता उप्पल, थाना प्रभारी बृजलाल एवं अन्य उपस्थित थे।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट को निर्देश दिए हैं कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य के कारण कण्डाघाट उपमण्डल में क्षेत्रवासियों को हो रही समस्याओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित बनाएं। कृतिका कुल्हारी आज कण्डाघाट में उपमण्डल के राजस्व अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि वर्तमान में सोलन से शिमला के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग का फोरलेन कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें अवगत करवाया है कि फोरलेन कार्य के कारण क्षेत्र में कृषि योग्य भूमि को नुकसान हो रहा है तथा जलापूर्ति के लिए बिछाई गई पाइपों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट को निर्देश दिए कि कृषि योग्य भूमि को फोरलेन कार्य से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए कार्य में संलग्न कंपनी के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श करें ताकि स्थानीय लोगों को नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि फोरलेन कार्य में कटिंग इत्यादि का कार्य निर्धारित नियम के अनुसार ही किया जाए। उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड-19 संकट के कारण लम्बित पड़े राजस्व सम्बन्धी मामलों को शीघ्र निपटाएं ताकि आम लोगों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले पटवारखानों का समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में वर्षा से हो रहे नुकसान का आकलन करें ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निशानदेही इत्यादि की सही रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विभिन्न मार्गों के किनारे अवैध कब्जों को तुरन्त हटाने के निर्देश भी दिए। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि राजस्व विभाग आमजन तथा जिला प्रशासन एवं प्रदेश सरकार के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्य प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष तौर पर आमजन को राहत पहुंचाते हैं। राजस्व कार्यों का समय पर निपटारा आर्थिक प्रगति का जरिया भी बनता है। उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद ने उपमण्डल की राजस्व गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। तहसीलदार कण्डाघाट अमन राणा, नायब तहसीलदार कण्डाघाट सत्यव्रत शर्मा, नायब तहसीलदार ममलीग अमर सिंह तथा विभिन्न पटवार वृतों के पटवारी बैठक में उपस्थित थे।
राजकीय उच्च पाठशाला कशलोग में नई स्कूल प्रबंधन कमेटी की कार्यकारिणी का गठन स्थानीय पाठशाला की मुख्याध्यापिका रेखा राठौर की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन वर्षों का रहेगा। इसमें लगभग सभी अभिभावकों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से कांता देवी को प्रधान नियुक्त किया गया। साथ ही दस अभिभावकों को इस कार्यकारिणी के सदस्य चुना गया। मुख्याध्यापिका ने नवनिर्वाचित कार्यकरिणी को अपनी व अपने स्टॉफ की ओर से बधाई दी। मुख्याध्यापिका रेखा राठौर ने सभी अभिभवकों को ऑनलाइन पढ़ाई व हर घर पाठशाला में करवाई जा रही पढ़ाई में अपना पूरा सहयोग देने की अपील की। कोविड-19 से अपना व बच्चों का बचाव करें। मुंह को मास्क से ढकें,अपने हाथ साबुन और पानी से नियमित रूप से धोएं। दो गज की दूरी का पालन कर, सुरक्षित रहें स्वस्थ रहें की अपील की।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सोलन से राज्य निर्वाचन आयोग बिहार के लिए इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की 26 बैलेट यूनिट तथा 13 कन्ट्रोल यूनिट का हस्तान्तरण किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकांत शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर तथा सावित्री सांख्यान, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के अनूप पराशर, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा, नायब तहसीलदार निर्वाचन महेन्द्र ठाकुर, नायब तहसीलदार राजस्व जगपाल एवं निर्वाचन विभाग के अधीक्षक राजेश शर्मा उपस्थित थे।
केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार नेहरू युवा केन्द्र सोलन द्वारा प्रथम अगस्त से 15 अगस्त, 2021 तक सोलन जिला के पांचों विकास खण्डों में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी नेहरू युवा केन्द्र सोलन की उप निदेशक ईरा प्रभात ने आज यहां दी। ईरा प्रभात ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के अन्तर्गत जिला के सोलन, कुनिहार, धर्मपुर, कण्डाघाट तथा नालागढ़ विकास खण्डों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों में स्थानीय ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों तथा युवक मण्डलों एवं महिला मण्डलों का सहयोग भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत प्रथम अगस्त को वेबिनार आयोजित किया जाएगा तथा स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी। 2 अगस्त को अपने-अपने गांव की सफाई, 3 अगस्त को पौधरोपण, 4 अगस्त को जल स्त्रोतों की सफाई तथा 5 अगस्त को पंचायत घर एवं स्वास्थ्य केन्द्र की सफाई की जाएगी। ईरा प्रभात ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के अन्तर्गत 6 अगस्त को प्लास्टिक मुक्त अभियान, 7 अगस्त को भांग उखाड़ो अभियान, 8 अगस्त को स्वच्छता रैली आयोजित की जाएगी जबकि 09 अगस्त को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को नारा लेखन तथा 11 अगस्त को वाॅल राईटिंग होगी। 12 अगस्त को अन्तरराष्ट्रीय युवा दिवस पर श्रमदान तथा 13 अगस्त को भाषण प्रतियोगिता एवं 14 अगस्त को फिट इंडिया रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को स्वतन्त्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।
मैसर्ज एसबीआई लाईफ इंश्योरेंस सोलन, मैसर्ज राज इण्डस्ट्रीज, गांव बेलीदेयोर, डाकघर खेड़ा, तहसील नालागढ़ तथा मैसर्ज केयन्स टैक्नोलाॅजी इंडिया प्राईवेट परवाणू, सैक्टर-5 में विभिन्न श्रेणियों के 35 पद भरे जाने हैं। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी संदीप ठाकुर ने आज दी। संदीप ठाकुर ने कहा कि इन पदों को भरने के लिए 31 जुलाई को जिला रोजगार कार्यालय सोलन में कैम्पस साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवार के पास आईटीआई ट्रेड वेल्डर, इलैक्ट्रिकल, फिटर तथा इलैक्ट्राॅनिक में डिप्लोमा होना चाहिए। विकास प्रबन्धक तथा लाईफ मित्र पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं, स्नातक तथा बी.काॅम निर्धारित की गई है। संदीप ठाकुर ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार 31 जुलाई को प्रातः 10.00 बजे जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन के कार्यालय में कैम्पस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 98170-69798 तथा 70189-18595 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने आज यहां नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षदों को शपथ दिलाई। कृतिका कुल्हारी ने नगर निगम सोलन के लिए मनोनीत पार्षद शकुंतला शर्मा, संजीव मोहन, प्रियंका अग्रवाल, दिनेश कुमार तथा स्निगधा चोपड़ा को शपथ दिलाई। उपायुक्त ने इस अवसर पर सभी मनोनीत पार्षदों को बधाई देते हुए आशा जताई कि वे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करने में सहायक बनेंगे। उन्होंने पार्षदों से आग्रह किया कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं ताकि लक्षित वर्ग इनसे समय पर लाभान्वित हो सकें। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, जिला भाजपा महामंत्री नंदराम कश्यप, भाजपा मण्डल सोलन के महामंत्री भरत साहनी, मीडिया प्रभारी नरेश गांधी, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फ़र इकबाल, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, नगर निगम सोलन के आयुक्त एलआर. वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
पट्टाबरावरी में एक व्यक्ति अपने कमरे में मृत अवस्था मे पाया गया। स्थानीय लोगो ने तुरन्त इसकी सूचना पुलिस थाना कुनिहार को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम नागरिक चिकित्सालय अर्की में करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक गोपाल चंद पुत्र सैज राम गांव सतडोल डाकघर ममलीग तहसील कंडाघाट जिला सोलन जोकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टाबरौरी मे चौकीदार पद पर कार्यरत था। मृत्यु का कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सोलन रमेश शर्मा ने कहा कि पट्टाबराबरी स्कूल में एक व्यक्ति मृत अवस्था मे पाया गया है। जिसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतक गोपाल चन्द का पोस्टमार्टम अर्की चिकित्सालय में करवाया गया।
कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर सोलन से कैथलीघाट के बीच पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गया। मलबा आने के बाद एनएच बाधित हो गया है। पुलिस व फोरलेन निर्माता कंपनी की टीम मौके पर पहुंच कर सड़क को बहाल करने में जुटी हुई है। वहीं ट्रैफिक को चंबाघाट-बसाल-कंडाघाट रूट से डायवर्ट किया गया है। जानकारी के अनुसार यह भूस्खलन ब्रुरी के समीप लगभग पौने ग्यारह बजे हुआ। भूस्खलन के बाद दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी हुई हैं।
दाड़लाघाट : राजकीय प्राथमिक पाठशाला सेरा में स्कूल प्रबंधन समिति की आम सभा का आयोजन किया गया। आम सभा सचिव बृजलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। आम सहमति से धर्मपाल ठाकुर को स्कूल प्रबंधन समिति का प्रधान चुना गया। प्रबंधक समिति में मंजू कुमारी, नीलम, अमरावती, भावना तथा यशपाल को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया। नवनिर्वाचित प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने नव कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वप्रथम कार्यकारिणी का दायित्व स्कूल की विकासात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना और विशेषकर बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता पर अधिक ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बच्चों की पढ़ाई का बहुत नुकसान हुआ है। इसलिए उस कमी को दूर करने के लिए अभिभावकों तथा अध्यापकों में सामंजस्य स्थापित करने की बेहद जरूरत है। उन्होंने कहा यह कार्यकारिणी 3 वर्ष तक अपना कार्य बखूबी करेगी। विद्यालय के प्रभारी अध्यापक बृजलाल शर्मा, हीरा देवी तथा सुमन महाजन ने नई कार्यकारिणी को बधाई व शुभकामनाएं दी।
पूर्व सैनिकों के आश्रित बच्चां के लिए अनुबन्ध आधार पर प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक, कला (टीजीटी आर्टस) के 39 पदों को भरने के लिए काउन्सलिंग 06 अगस्त, 2021 को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन रोशन जसवाल ने दी। रोशन जसवाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों के आश्रित बच्चों के लिए भरे जा रहे इन 39 पदों में 18 पद पूर्व सैनिक सामान्य वर्ग, 17 पद पूर्व सैनिक अनुसूचित जाति वर्ग तथा 04 पद पूर्व सैनिक अनुसूचित जनजाति वर्ग के हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक सामान्य श्रेणी के आश्रित बच्चों के लिए बीएड उत्तीर्ण करने का वर्ष 2003 निर्धारित किया गया है। पूर्व सैनिक अनुसूचित जाति वर्ग के आश्रित बच्चों के लिए बीएड उत्तीर्ण करने का वर्ष 2006 तथा पूर्व सैनिक अनुसूचित जनजाति वर्ग के आश्रित बच्चों के लिए बीएड उत्तीर्ण करने का वर्ष 2010 निर्धारित किया गया है। उपनिदेशक ने कहा कि उन सभी अभ्यर्थियों को काउन्सलिंग में भाग लेने के लिए पंजीकृत पत्र प्रेषित किए जा चुके हैं जिनके नाम सम्बन्धित रोजगार कार्यालय द्वारा उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा के कार्यालय को भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को बुलावा पत्र प्राप्त नहीं हुआ है तो भी वे 06 अगस्त, 2021 को होने वाली काउन्सलिंग में अपने शैक्षणिक मूल प्रमाण पत्रों तथा उनकी छायाप्रतियों सहित भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि रोजगार कार्यालय में पंजीकृत उपरोक्त बैच के पात्र अभ्यर्थियों का नाम उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा के कार्यालय को प्रेषित न हुआ हो तो भी वे रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, अध्यापक पात्रता उत्तीर्ण प्रमाण पत्र दिखाकर काउन्सलिंग में उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 01792-230440 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की जिला स्तरीय त्रेमासिक बैठक शुक्रवार 30 जुलाई को पट्टा महलोग के अम्बिका माता मन्दिर परिसर में सुबह 11 बजे आयोजित होगी। जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष केडी शर्मा करेंगें। केडी शर्मा तथा महा सचिव जगदीश पंवर ने जिला कार्यकारणी संगठनों तथा समस्त 11 इकाईयों के प्रधान तथा महासचिवों से अपील की है कि इस त्रेमासिक बैठक में समय पर पहुंचे। केडी शर्मा ने कहा कि त्रेमासिक बैठक में पेंशनरों की मांगों के अलावा जिला कार्यकारिणी के चुनाव पर विशेष रूप से चर्चा होगी। यह जानकारी प्रेस सचिव डीडी कश्यप ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साँझा की।
सोलन जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य की नई दुकानें खोलने के लिए इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र कुमार धीमान ने दी। नरेंद्र कुमार धीमान ने कहा कि हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक में सोलन जिला के विकास खण्ड सोलन की ग्राम पंचायत डांगरी, विकास खण्ड नालागढ़ की ग्राम पंचायत मलौण, ग्राम पंचायत सरौर, ग्राम पंचायत गागूवाल तथा ग्राम पंचायत भोगपुर और विकास खण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायत साई में उचित मूल्य की दुकानें खोलने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि इन ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य की दुकानें खोलने के लिए इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं द्वारा 18 अगस्त, 2021 सांय 5.00 बजे तक निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रपत्र सम्बन्धित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निरीक्षक अथवा जिला नियंत्रक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सोलन के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। नरेंद्र कुमार धीमान ने कहा कि इन ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य की दुकानें खोलने के सम्बन्ध में अधिक जानकारी जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक सोलन के कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस पर व्यक्तिगत रूप में अथवा दूरभाष नम्बर 01792-224114 पर प्राप्त की जा सकती है।
प्रदेश कर्मचारी महासंघ के पूर्व सचिव व जिला महासंघ मण्डी के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय राज्य पैन्शनर्ज महासंघ के प्रदेश महा मंत्री इन्दर पाल शर्मा ने प्रदेश सरकार द्वारा गत दिनो अराज पत्रित कर्मचारियो के अश्वनी कुमार गुट को मान्यता दिये जाने पर हैरानी व्यक्त की है । शर्मा ने कहा की इस समय प्रदेश में कर्मचारियो का एक एन आर, दुसरा विनोद कुमार व तीसरा अश्वनी गुट हैं। तथा कर्मचारी तीन धड़ों में बंटे हैं । ऐसे में एक गुट को मान्यता देकर 2 गुटों की अनदेखी करना उचित नहीं है । सरकार ने उपचुनाव के समय में ऐसा कदम उठा कर भारी भुल की है। इन्दर पाल शर्मा ने कहा कि सरकार को किसी एक गुट को मान्यता न देकर तीनो गुटों की एक समन्वय समिति का गठन करना चाहिये था और तीनो गुटों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ सँयुक्त सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अब भी समय है यदि सरकार प्रदेश के 2 लाख कर्मचारियों का विश्वास जितना चाहती है तो तीनो गुटों की समन्वय समिति बना कर उनसे वार्ता करे। इन्दर पाल शर्मा ने कहा कि सरकार को प्रदेश के पैन्शनरो के लिए भी यही नीति अपना कर उनके साथ शीघ्र वार्ता करनी चाहिये। तभी प्रदेश के 2लाख कर्मचारियो व 1•5 लाख पैन्शनरो के साथ सरकार के मधुर संबंध बने रह सकते हैं । शर्मा ने सरकार से उप चुनाव से पहले नये वेतनमान जारी करने और महगाई भते की किस्तें जारी किये जाने की भी माँग की है ।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार राज्य के अन्य जिलों के साथ-साथ सोलन जिला में भी प्रथम अगस्त से 31 अगस्त, 2021 तक क्षय रोग सक्रिय मामला खोज अभियान (टीबी एक्टिव केस फाइडिंग कैम्पेन) कार्यान्वित किया जाएगा। कृतिका कुल्हारी आज यहां अभियान के सम्बन्ध में जिला क्षय रोग निवारण समिति के तहत गठित जिला कार्यबल की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रथम अगस्त से 31 अगस्त, 2021 तक क्षय रोग मुक्त हिमाचल अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। इस अवधि में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत घर-घर जाकर क्षय रोग के मामलों का पता लगाया जाएगा। अभियान के तहत क्षय रोग मामलों की खोज के लिए सघन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त ने कहा कि क्षय रोग एक्टिव केस अभियान के तहत सोलन जिला की 636609 जनसंख्या की मैपिंग की जाएगी। इसका उद्देश्य जिला में क्षय रोग के सक्रिय मामलों का पता लगाकर उनको समुचित उपचार उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि जिला की सभी 240 ग्राम पंचायतों, नगर निगम सोलन, सभी नगर परिषदों तथा नगर पंचायतों में क्षय रोग उन्मूलन के लिए यह अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। उन्हांेने कहा कि ऐसे सभी समूहों की सघन जांच की जाएगी जो किसी कारणवश क्षय रोग की चपेट में आ सकते हैं। कृतिका कुल्हारी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन को निर्देश दिए कि जन-जन की मैपिंग के दौरान वरिष्ठ नागरिकों, छात्रावासों में रह रहे युवाओं, श्रमिकों एवं औद्योगिक कामगारों तथा झुग्गी झोंपड़ी के निवासियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिला के प्रत्येक नागरिक तक यह जानकारी भी पहुंचाई जाए कि क्षय रोग का पूर्ण उपचार सम्भव है। इसके लिए यह आवश्यक है कि खांसी इत्यादि की स्थिति में समीप के स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक की देखरेख में निर्धारित समय अवधि तक दवा लेने से क्षय रोग का पूर्ण उपचार सम्भव है। उन्होंने कहा कि लोगों को क्षय रोग के लक्षणों के सम्बन्ध में जागरू किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में वर्तमान में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, टीबी सेनिटोरियम धर्मपुर, ईएसआई अस्पताल परवाणू, यूएचएफ नौणी, एमएमयू अस्पताल सुल्तानपुर, अन्नया क्लीनिकल लैब सोलन, बाल मुकुन्द एपेक्स अस्पताल सोलन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बद्दी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जोघों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामशहर, नागरिक अस्पताल अर्की, ईएसआई दाड़लाघाट, नागरिक अस्पताल कुनिहार, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भूमती, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चण्डी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पट्टा, ईएसआई आदर्श अस्पताल काठा, ईएसआई बद्दी, कुठाड़, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सायरी, नागरिक अस्पताल कण्डाघाट तथा नागरिक अस्पताल चायल में क्षय रोग परीक्षण की सुविधा उपलब्ध है।
प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जुलाई को 11 केवी बड़ोग फीडर स्थापित करने के दृष्टिगत 11 केवी रबौण फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। दिनेश ठाकुर ने कहा कि इसके दृष्टिगत 29 जुलाई को प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन, हाउसिंग बोर्ड फेज-1 एवं फेज-2, रबौण, नेगी काॅलोनी, राधा स्वामी सत्संग एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
कारगिल विजय दिवस के उपलक्षय पर ग्राम पंचायत सरयांज में अध्यक्ष हिमको हिमाचल प्रदेश रत्न सिंह पाल द्वारा वन मण्डल अधिकारी कुनिहार एचके गुप्ता की अध्यक्षता में देवदार का पौधा लगाकर वन परिक्षेत्र स्तरीय 72 वें वन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विशेष अतिथि व पंचायत के अन्य सदस्यों ने पौधरोपण कर कारगिल में शहीद हुए जवानों को याद कर श्रदांजलि दी। अध्यक्ष हिमको हिमाचल प्रदेश रत्न सिंह पाल द्वारा लोगों को वन महोत्सव की बधाई दी गई तथा लोगों से वनों व अपनी निजी भूमि में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर इनके संरक्षण के लिए वन विभाग के साथ सहयोग की अपील की। इस मौके पर पंचायत के माध्यम से सरयांज पंचायत के भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर वनमंडल अधिकारी कुनिहार एचके गुप्ता द्वारा भी देवदार का पौधा लगाकर स्थानीय लोगों को वनों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई व अपील की गई कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर इनके संरक्षण में वन विभाग के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। वन परिक्षेत्र दाड़लाघाट के वन परिक्षेत्र अधिकारी किशोरी भारद्वाज व समस्त वन खंड अधिकारी व वन रक्षकों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी पूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत सरयांज के प्रधान रमेश ठाकुर व पंचायत के सभी सदस्यों ने भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपना पूर्ण सहयोग दिया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्या भुवनेश्वरी, बीडीसी सदस्या रीता देवी, प्रधान ग्राम पंचायत सरयांज रमेश ठाकुर, उपप्रधान प्रकाश गौतम, भूतपूर्व प्रधान संत राम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन की एनएसएस इकाई के स्वयंसेवियों ने कारगिल विजय दिवस पर कई रचनात्मक गतिविधियों के द्वारा समाज को जागरूक किया। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने पौधारोपण कर समाज को पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। हिमानी भगत ने शहीदों के बलिदान को भावुक कविता के माध्यम लोगों तक पहुंचाया। कार्यक्रम अधिकारी पीसी बट्टू ने सैनिकों के पराक्रम की गाथा बच्चों को सुनाई और बताया कि सेना में भर्ती हो कर वे राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने सभी स्वयंसेवकों का हौसला बढ़ाते हुए करगिल के शहीदों को नमन किया तथा बरसात के मौसम में पौधे लगाने का आह्वान किया।
पूर्व संस्कृत अकादमी सचिव डॉ मस्त राम शर्मा को कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। डॉ मस्त राम शर्मा ने इस नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष व चीफ पैट्रन सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राष्ट्रीय कांग्रेस राहुल गांधी, राजीव गांधी ब्रिगेड (कांग्रेस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम फूलबारी, महासचिव सुरेश अलोरिया, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, राष्ट्रीय महासचिव सुरेश कुमार अवस्थी का आभार व्यक्त किया है। डॉ मस्त राम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के विकास व गरीब महिलाओं के उत्थान के लिए जनहित की समस्याओं के लिए कांग्रेस पार्टी का पूर्ण सहयोग करूँगा। उन्होंने अर्की विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक एवं छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीर भद्र सिंह की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि अब अर्की में उपचुनाव कराए जाने हैं जिसमें अर्की की जनता फिर से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाकर विधानसभा में भेजेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है की डॉ मस्त राम शर्मा के नेतृत्व में संगठन मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।
सोलन जिला नंबरदार यूनियन की बैठक सबतहसील दाड़लाघाट में नायब तहसीलदार इंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भाग लेते हुए नंबरदारों ने प्रस्ताव पारित किया कि सरकार द्वारा जारी की गई 2006 की उस अधिसूचना को रद्द किया जाए जिसके अंतर्गत नंबरदारों की शैक्षणिक योग्यता कम से कम मैट्रिक रखी गई है। प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि इस पद पर नंबरदार कई दशकों से कार्य कर रहे हैं लेकिन उनकी कार्यशैली के विरुद्ध कोई शिकायत नहीं है। अतः जिन नम्बरदारों के पास अभी मैट्रिक का प्रमाण पत्र नहीं है, उन्हें इस अधिसूचना को रद्द कर उसमें छूट दी जाए। इस दौरान बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री भीम सिंह चौहान, जिला प्रधान राजेंद्र ठाकुर, उपतहसील दाड़ला के प्रधान नंद लाल ठाकुर, महासचिव अर्की प्रताप सिंह, महासचिव दाड़ला कुलदीप चंदेल, कोषाध्यक्ष अनीता शर्मा, मंसाराम ठाकुर, तीर्थ राम शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में कथा वाचन की प्रतियोगिता का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया। पाइनग्रोव ने जहाँ कोरोना काल में बच्चों की पढ़ाई को सुचारू ढंग से चला रखा है, वहीं अनके व्यकितत्व को संवारने के लिए सयम-सयम पर विभिन्न ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। इससे विद्यार्थी न केवल किताबों एवं गृहकार्य करने में व्यस्त रहते हैं बल्कि उन्हें अन्य गतिविधियों में भाग लेने का भी मौका मिलता है। पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू के विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रॉप्स, वॉयस मॉड्यूलेशन और प्रभावशाली अभिव्यक्तियों का उपयोग करके अपनी पसंदीदा कहानियों का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को छठी से बारहवीं कक्षा तक तीन श्रेणियों में बाँटा गया था। प्रत्येक प्रतिभागी द्वारा सुनाई गई कहानी ने एक प्रभावशाली संदेश दिया। इस प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग से यामिनी सिंह ने अपनी कहानी सुनाकर सभी को प्रभावित किया और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। रुद्र प्रताप सिंह राजपूत कनिष्ठ वर्ग में ही दूसरे स्थान पर रहे। माध्यमिक वर्ग में भोर दीक्षित और कायरा दत्ता ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग में लव्या भसीन ने अपनी कथा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करके प्रथम स्थान हासिल किया जबकि इसी श्रेणी में रेया दत्त दूसरे स्थान पर रहीं ।
कुनिहार के समीप गाँव रिंवी के युवाओं ने रिंवी सड़क मार्ग के साथ 101 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। रिंवी के युवाओं ने सभी से पौधे लगाने की अपील की। गांव के युवा मनु भारद्वाज ने बताया कि गांव के युवाओं ने इकठ्ठे होकर सड़क के दोनों ओर जामुन, आम, संतरा, मौसमि, कीनू, निम्बू, भेड़ा, आंवला, करयाली, अरड आदि के 101 छायादार व फलदार पौधे लगाए। साथ ही उन्होंने इन पौधे की समय-समय पर देखरेख कर इनकी सुरक्षा का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर दिवेश, मनु ,वानु,अखिल, सोनू, साहिल, परीक्षित, कमल, सुभाष, बृजेश व संदीप आदि मौजूद रहे। इन सभी युवाओं ने पौधारोपण में अपना सहयोग दिया।
डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) के निवारण तंत्र के लिए गठित आंतरिक समिति के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर मुख्य अतिथि रही। प्रशिक्षण सत्र में कुलपति डॉ. परविंदर कौशल और कुलसचिव प्रशांत सरकेक समेत समिति के सदस्यों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए डॉ डेज़ी ठाकुर ने सभी कर्मचारियों और छात्रों को गठित समिति के बारे में जागरूक करने और किसी भी शिकायत के मामले में उसे कैसे संपर्क किया जा सकता है, इसके प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों के नाम परिसर में प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं। डॉ.डेजी ने कहा कि लंबे समय से समिति के सदस्यों को प्रशिक्षित करने की मांग रही थी ताकि वे अधिनियम के तहत अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन कर सकें और इसलिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। उन्होंने सदस्यों से ऐसे मामलों में गोपनीयता सुनिश्चित करने और प्रतिवादियों को उचित अवसर देने का भी आग्रह किया। प्रशिक्षण आयोजित करने के लिए महिला आयोग को धन्यवाद देते हुए कुलपति डॉ.परविंदर कौशल ने कहा कि समिति के सदस्यों को दी गई जानकारी इस विषय के बारे में जागरूकता फैलाने में काफी मददगार साबित होगी। उन्होंने सदस्यों से कहा कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने कामकाज में सुधार के लिए लागू करें। डॉ. कौशल ने कहा कि इन कानूनों और निवारण तंत्र से सभी को अवगत करवाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य महिला आयोग के सहयोग से सदस्यों के लिए नियमित प्रशिक्षण और वेबिनार जैसे वर्चुअल माध्यम से छात्रों के बीच इस जानकारी का प्रसार होना चाहिए। मुख्य परिसर के दो महाविद्यालयों की आंतरिक समिति की सदस्य डॉ सुनीता चंदेल, डॉ मीनू सूद, डॉ डी पी शर्मा, डॉ आर के अग्रवाल, सीमा वर्मा और नीलम ठाकुर ने प्रशिक्षण में भाग लिया। नेरी और थुनाग महाविद्यालयों की आंतरिक समितियों के सदस्यों ने भी ऑनलाइन रूप से कार्यक्रम में भाग लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत विभिन्न नोडल अधिकारियों को भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कृतिका कुल्हारी आज यहां उपचुनाव के दृष्टिगत नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि स्वतन्त्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए यह आवश्यक है कि सभी नोडल अधिकारी दिए गए कार्य को समय पर पूर्ण करें और विभिन्न व्यवस्थाओं को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्थापित करें। उन्होंने कहा कि समय पर व्यवस्था पूर्ण कर स्वतन्त्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन में सहायता मिलेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी शहजा़द आलम को डाक मत पत्र के सम्बन्ध में विस्तृत निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि आयोग ने निर्णय लिया है कि यदि 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाता, दिव्यांग मतदाता एवं अस्पताल में उपचाराधीन कोविड-19 पॉजिटिव मतदाता चाहें तो वे डाक मत पत्र का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में निर्वाचन अधिकारी अर्की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित बनाएं और विधानसभा क्षेत्र का सर्वेक्षण कर डाक मत पत्र प्रयोग करने की इच्छुक इन श्रेणियों की जानकारी प्राप्त करें। उपचुनाव की घोषणा होते ही आदर्श आचार संहिता लागू होगी। उन्होंने आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरान्त निश्चित समय अवधि में पूर्ण किए जाने वाले कार्यों के सम्बन्ध में विस्तृत विचार-विमर्श किया और उचित दिशा-निर्देश जारी किए। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियां को पूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उप चुनाव में केवल उन्हीं अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी जो 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने भारत संचार निगम लिमिटिड को निर्देश दिए कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए संचार योजना एवं वेबकास्टिंग नेटवर्क स्थापित किया जाए। तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा ने उप चुनाव के सम्बन्ध में भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त निर्देशों एवं विभिन्न नोडल अधिकारियों के कार्यो। की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी अर्की शहज़ाद आलम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन अशोक कुमार वर्मा, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, जिला पर्यटन विकास अधिकारी रति राम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, जिला सूचना अधिकारी संजीव, राज्य कर एवं आबकारी विभाग सोलन के उप आयुक्त हिमांशु आर. पंवर, राज्य कर एवं आबकारी विभाग बद्दी के उप आयुक्त वरूण कटोच सहित अन्य नोडल अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रमों में जन सहभागिता के माध्यम से ही हरित आवरण में आशातीत वृद्धि की जा सकती है। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के कण्डाघाट उपमण्डल के चायल की ग्राम पंचायत झाझा के महोग में युवा मोर्चा सोलन मण्डल द्वारा आयोजित वन महोत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर दाड़ू का पौधा रोपा। इस अवसर पर देवदार, दाड़ू व परसीमन इत्यादि के 200 पौधे रोपे गए। आयुष मंत्री ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीरगति को प्राप्त सैनिकों को कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिला वासियों की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि देशहित में सर्वोच्च बलिदान देने वाले असंख्य सैनिकों की शहादत को सदैव याद रखें और अपने कर्तव्य पथ पर सजगता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ें। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी को देश के लिए अपने प्राण न्यौच्छावर करने वाले वीरों का इतिहास पढ़कर उसका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम कभी भी वीरों के ऋण से उऋण नहीं हो सकते। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व सैनिक नरेश, प्रदीप, सुनील, अनूप, आशीष, अनिल, मोहन सिंह ठाकुर और अमित को हिमाचली टोपी एवं मफलर पहनाकर सम्मानित किया। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा जिला महामंत्री नंदराम कश्यप, वरिष्ठ भाजपा नेता रविन्द्र परिहार, भाजपा मण्डल अध्यक्ष मदन ठाकुर, कोषाध्यक्ष योगेन्द्र वर्मा, भाजयुमो मण्डल सोलन के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज, महामंत्री दिनकर, ग्राम पंचायत आंजी के उपप्रधान एवं भाजयुमो मंडल महामंत्री वैभव ठाकुर, ग्राम पंचायत चायल के उपप्रधान पंकज ठाकुर, ग्राम पंचायत झाझा के उप प्रधान मनीष ठाकुर, ग्राम पंचायत शामती के पूर्व प्रधान संजीव सूद, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डॉ विकास सूद, खण्ड विकास अधिकारी हेमचंद शर्मा, वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने अर्की विधानसभा उपचुनाव के लिए विधायक एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिन्दल को प्रभारी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सैजल को सह प्रभारी तथा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल को संगठन समन्वयक नियुक्त किया है। उन्होनें कहा कि भाजपा ने प्रदेश में होने वाले उप चुनावों के मद्देनजर सांगठनिक तौर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है और पार्टी पूरी एकजुटता के साथ इन उपचुनावो में जनता के बीच जाएगी और निश्चिततौर से इन उपचुनावो में जीत दर्ज करेगी।
कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज खण्ड विकास कार्यालय धर्मपुर में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर सुभाष अत्री ने इस अवसर पर कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए सभी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सुभाष अत्री ने इस अवसर पर कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के अदम्य साहस एवं देशहित में सर्वस्व न्यौच्छावर करने की परम्परा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी अपने कार्य को पूर्ण समर्पण एवं लगन के साथ पूरा करें तो हम उन असंख्य वीरों को सही मायनों में श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। इस अवसर पर क्षेत्र के पूर्व सैनिक नायब सूबेदार हीरालाल, नायब सूबेदार सुरेश कौशल, नायब सूबेदार उत्तम तथा अवकाश पर आए हवलदार पूर्ण चन्द ने सैन्य जीवन के सम्बन्ध में अपने अनुभव साझा किए। इन सभी ने उपस्थित कर्मचारियों एवं अन्य से अनुरोध किया कि वह अपने परिवार में से कम से कम एक सदस्य को भारतीय सेना में अवश्य भेजें ताकि सभी भारतीय सेना की गौरवशाली परम्परा से जुड़े रहें। पंचायत समिति धर्मपुर की अध्यक्ष जमना देवी, उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर कार्यालय की अधीक्षक, पंचायत निरीक्षक अर्जुन राणा सहित अन्य इस अवसर पर उपस्थित रहे।
दाड़लाघाट के भराड़ीघाट में कारगिल विजय दिवस पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सपूतों के शौर्य को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नायब तहसीलदार इंद्र कुमार ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में वहां उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध में अपनी शहादत देने वाले वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। लीग के प्रधान कैप्टन हीरालाल ने "आसमां पर घर बनाऊं मेरा मकसद नहीं, मेरे वतन की जमीन ही मेरी जन्नत है" शब्दों द्वारा देश के प्रति अपनी श्रद्धाभक्ति को उजागर किया। उन्होंने कारगिल युद्ध की विस्तृत शौर्य गाथा का वर्णन करते हुए विक्रम बत्रा, सुधीर कुमार वालिया, कैप्टन अनमोल कालिया, कैप्टन सौरभ कालिया के शौर्य का वर्णन किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में उपस्थित जिला परिषद सदस्य हीरा कौशल, पंचायत समिति कुनिहार की अध्यक्षा सोमा कौंडल, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान बंसी राम भाटिया, पंचायत रौड़ी की प्रधान रीना शर्मा, पंचायत बरायली की प्रधान डॉ रीता शर्मा, उपप्रधान हेमराज, उपप्रधान जीतराम बिट्टू, रोशन लाल ठाकुर, कैप्टन जेके भारद्वाज, बीआर भाटिया, ललित गौतम ने अपने अपने वक्तव्यों द्वारा शहीदों को नमन किया।
साहित्य कला मंच द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले प्रतिष्ठित सम्मान “सुमेधा श्री”; के लिए दाड़लाघाट क्षेत्र से सम्बंध रखने वाले साहित्यकार, सेवानिवृत्त प्राध्यापक अमरदेव अंगिरस व इस क्षेत्र के पंचायत नवगांव के समलोह से सम्बंध रखने वाले डॉक्टर प्रेम लाल गौतम को अलंकृत किया गया। यह कार्यक्रम नालागढ़ रोपड़ रोड पर स्थित एक निजी होटल में आयोजित हुआ। बता दें कि सेवानिवृत्त प्राध्यापक अमरदेव अंगिरस हिमाचल साहित्य जगत में एक जाना पहचाना नाम है। उन्होंने हिमाचली विशेष रूप से सोलन जिले की संस्कृति के विषय में काफी शोध किया है तथा इस पर कई पुस्तकें भी लिखी हैं। उन्हें इससे पूर्व भी अनेक पुरस्कारों से सम्मानित भी किया जा चुका है। अमरदेव अंगिरस का दाड़लाघाट में आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम दशहरा उत्सव सहित अन्य गतिविधियों में अहम योगदान रहता है। इसी प्रकार नवगांव समलोह से संबंध रखने वाले इसी क्षेत्र के डॉक्टर प्रेम लाल गौतम संस्कृत महाविद्यालय सोलन से प्राचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी भी कई पुस्तकें हिमाचल के पुस्तकालयों को सुशोभित कर रही हैं। प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजय अवस्थी, पंचायत दाड़लाघाट के पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, बीडीसी अध्यक्षा कुनिहार सोमा कौंडल, पूर्व जिला परिषद सदस्य दाड़लाघाट वार्ड राम कृष्ण शर्मा, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर, पूर्व प्रधान सुरेंद्र शुक्ला, पूर्व उपप्रधान लेखराज चंदेल, प्रेम केशव, प्रधान दाड़लाघाट बंसी राम भाटिया, उपप्रधान हेमराज, प्रधान बरायली रीता शर्मा, उपप्रधान कृष्ण चंद भट्टी, सेवानिवृत्त अध्यापक केशव वशिष्ठ, धनी राम चौधरी, जयपाल चौधरी, डॉ मस्त राम शर्मा, अनिल गुप्ता, सुरेंद्र वर्मा, दीपक गजपति, लाला शंकर सहित दाड़लाघाट क्षेत्र के लोगों ने अत्यंत खुशी व्यक्त की तथा सेवानिवृत्त प्राध्यापक व साहित्य जगत के अलंकार अमरदेव अंगरिस व डॉ प्रेम लाल गौतम को इस सम्मान हेतु बधाई दी है।
अटल शिक्षा कुञ्ज, कालूझंडा स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 26 जुलाई को ‘कारगिल विजय दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस दिन 1999 में, भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के घुसपैठियों को कारगिल में भारतीय क्षेत्रों से सफलतापूर्वक खदेड़ दिया था। इस अवसर पर शिक्षकों ने कारगिल विजय दिवस से सम्बंधित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये और अन्य प्रस्तुतियां भी दी। आईईसी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो० डॉ जितेंद्र सिंह ने कारगिल युद्ध नायकों के जज्बे और हौसले को सलाम करते हुए उनके पराक्रम से सीख लेने की बात कही। उन्होंने बताया कि युद्ध के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों के 527 सैनिकों ने अपनी जान गंवाई। कारगिल विजय दिवस न केवल भारत की जीत की शुरुआत करता है, बल्कि उन शहीद नायकों को भी श्रद्धांजलि देता है, जिन्होंने देश के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी और 'ऑपरेशन विजय' को सफल बनाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। आईईसी यूनिवर्सिटी के कुलसचिव विनोद कुमार ने कहा कि कारगिल युद्ध हमारे सुरक्षा बलों की वीरता और अनुशासन का प्रतीक है, जिसे पूरी दुनिया ने देखा है। इस कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रख कर 'ऑपरेशन विजय' के अमर शहीदों को याद किया गया। इस पुरे कार्यक्रम में सोशल डिस्टन्सिंग के सभी नियमों का पालन किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईईसी यूनिवर्सिटी की एनसीसी इकाई का भी सराहनीय योगदान रहा।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कनिष्ठ वर्ग में दिनांक 24 जुलाई को ऑनलाइन अंतर्सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय के चारों सदनों ऋग्वेद सदन, यजुर्वेद सदन, सामवेद सदन तथा अथर्ववेद सदन के कक्षा तीसरी से पॉंचवी तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में हिंदी, गणित, अंग्रेजी, विज्ञान और सामान्य ज्ञान विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए। चारों सदनों के छात्रों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया प्रवीणा झा ने प्रतियोगिता के विजयी छात्रों को बधाई दी और उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित किया। इसी कारण प्रत्येक सदनों के विद्यार्थियों ने अच्छी तरह से प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर प्रकृति शर्मा, वेदांग शर्मा, करण पांडे, आरव जोशी (यजुर्वेद), द्वितीय स्थान पर सृष्टि नेगी, रियांश नेगी, प्रियांश मेहता, जैस्मिन ठाकुर(ऋग्वेद) व तृतीय स्थान पर अथर्व शर्मा, हर्षवर्धन, उद्धव, रागा वत्स(अथर्ववेद) रहे।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने आज कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर यहां कारगिल शहीद स्मारक पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कृतिका कुल्हारी ने इस अवसर पर कहा कि कारगिल विजय दिवस हम सभी को असंख्य सैनिकों की शहादत का स्मरण करवाते हुए देशहित में अपनी ओर से निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि हम सभी देशवासी उन असंख्य सैनिकों के ऋणी हैं जिन्होंने मातृभूमि पर हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर किए। उपायुक्त ने सभी से आग्रह किया कि कारगिल विजय दिवस को सदैव स्मरण रखें और ये प्रयास करें कि जिस प्रकार हमारे वीर सैनिक सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं उसी प्रकार हम सभी अपने कार्य के माध्यम से जनहित को सर्वोपरि रखेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन सदैव जिले के पूर्व एवं सेवारत सैनिकों तथा उनके परिजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि वे युवा पीढ़ी को अपने अनुभवों से अवगत करवाएं ताकि युवा उत्तरदायी नागरिक बन सकें। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, तहसीलदार सोलन गुरमीत नेगी सहित अनेक पूर्व सैनिक, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य उपस्थित थे। इस अवसर पर जिला के सभी उपमण्डलों एवं विकास खण्डों में शहीद सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और शपथ दिलाई गई।
सोलन विकासखण्ड की पट्टाबरावरी पँचायत कार्यालय में खण्ड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर के सौजन्य से टीकाकरण अभियान के तहत 18 से 44 व 45 से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगो को टीकाकरण कैम्प का आयोजन किया गया। जिसमें 91 महिला एवं पुरुषों का टीकाकरण किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टाबरावरी की चिकित्सा अधिकारी कृतिका गांधी ने जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना जैसी महामारी को रोकने के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार ने निर्णय लिया है कि ग्रामीण स्तर पर टीकाकरण अभियान को तेज किया जाए। उन्होंने सभी लोगों को जल्द इस अभियान में भाग लेकर टीकाकरण अभियान को सफल बनाने की अपील की है। इस मौके पर पूर्व पँचायत समिति सदस्य डीडी कश्यप ने सभी लोगो से प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करने तथा वैक्सीन के लिए आगे आकर बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील की है ताकि कोरोना जैसी घातक बीमारी से बचा जा सके।
26 जुलाई को पूरे देश मे कारगिल विजय दिवस के रूप में याद किया जाता है। कारगिल युद्ध के रणबांकुरों के शहादत को याद करते हुए विकास खण्ड कुनिहार में भी इस दिन को शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार पुष्पा कुमारी ने की व इस दौरान विकास खण्ड कुनिहार के सेवानिवृत्त सेना के जवानों को सम्मानित किया गया। खण्ड विकास अधिकारी ने सभी सेवानिवृत्त जवानों को कारगिल शौर्य दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचने के लिए आभार व्यक्त किया व 60 दिनों तक चले कारगिल युद्ध के उन रणबांकुरों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कारगिल की लड़ाई में 60 दिनों तक पाकिस्तान से लोहा लेने वाले नायक मेजर सुरेंद्र पाल ने कारगिल की लड़ाई को सबके साथ सांझा किया। इस दौरान 1962 के युद्ध के नायक चेत राम व 1971 के युद्ध मे भाग ले चुके सोहन लाल ने उस युद्ध की यादों को सभी के साथ सांझा किया। इस दौरान खण्ड विकास अधिकारी पुष्पा कुमारी, सुप्रिडेंट केदार नाथ पांडे, पंचायत निरीक्षक रत्न सिंह नेगी, एलएसईओ बलविंदर कौर व कुनिहार क्षेत्र के करीब 20 सेवानिवृत जवान मौजूद रहे।
अम्बुजा उद्योग से प्रभावित लैंड लूजर, बेरोजगार परिवारों के लिए वर्ष 1992 में सरकार और अम्बुजा सीमेंट कम्पनी के साथ जो लिखित समझोते हुए थे, वह आज दिन तक लागू नहीं हुए। यह बात दी चंडी लैंड लूजर एंड इफेक्टेड एंड अनइंप्लॉयड कॉपरेटिव सोसाइटी द्वारा गांव पजीणा में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही गई। सभा के पदाधिकारियों और ग्रामवासियों ने कहा कि सन् 1992 से क्षेत्र में पहले सीमेंट प्लांट सुल्ली की स्थापना को पजीणा से ही पानी की सप्लाई हुई , जबकि इसके बाद स्थापित दूसरे सीमेंट प्लांट और क्रशर को भी पजीणा से नियमित पानी की सप्लाई हो रही है। सोसाइटी के सदस्यों का कहना है कि ग्राम पंचायत चंडी से स्थानीय लोगों को आज दिन तक प्रत्यक्ष रूप या अप्रत्यक्ष रूप से कोई रोजगार नही मिला है। क्षेत्र के अधिकतर युवा घरों में बोरोजगार बैठे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि उन्होंने की कई बार मुख्यमंत्री, जिलाधीश सोलन, उपमंडलाधिकारी अर्की को भी इस समस्या के बारे में पत्राचार के माध्यम से अवगत करवाया लेकिन आज तक कोई भी सकारात्मक और संतोषजनक जबाव नहीं मिला है। सभा का कहना है कि अगर सरकार या कंपनी द्वारा पजीणा के लोगों की इस तरह अनदेखी की जाती है तो यहां की जनता को आंदोलन का स्वरूप तैयार करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी। इस मौके पर सोसाइटी प्रधान कृष्ण चन्द, सेवड़ा चंडी प्रधान नोख राम, पंचायत समिति सदस्य मनीष, सचिव मदन लाल ठाकुर, केशव राम, पुरषोत्तम, सन्त राम, अजय, सुरेश ठाकुर, मनोहर लाल, किशोर चन्द, नरेंद्र शर्मा, सन्त राम, जगदीश, नरेश, हेमराज, रोशन ठाकुर, नीम चंद, सत्यम सहित सभा सदस्य व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
टी.ओ.टी स्कूल के.रि.पु.बल धर्मपुर द्वारा रविवार को धर्मपुर वन विभाग के सहयोग से च्योल जंगल एरिया में 1000 पौधों के मेघा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया | जिसमे टी.ओ.टी स्कूल के.रि.पु.बल धर्मपुर के प्राचार्य आशीष गुरुंग, द्वि कमा.अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारा प्रयास देश की रक्षा के साथ पर्यावरण का सरंक्षण करना भी है| इस कार्यक्रम में सोहन सिंह उप.कमांडेंट, निरी./जीडी अनिल कुमार, उप नि./जीडी लक्ष्मण सिंह, सहा.उप.नि. राजा कुमार राणा एवं अन्य जवान उपस्थित रहे।


















































