विकासखण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायत कुनिहार में रविवार को प्रधान राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आम सभा का आयोजन किया गया। जिसमे काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आमसभा में सबसे पहले अर्की के विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री स्व राजा वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी गईं। आमसभा में कई विकासात्मक कार्यो पर चर्चा कर कई प्रस्ताव पारित किए गए जिसमे कुनिहार में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा खोलने का प्रस्ताव, आई पी एच का उपमंडल जो सुबाथू में है उसे कुनिहार में खोलने के बारे में प्रस्ताव के अलावा जो गांव जैसे चाकलु, नगर, काहनी, थावना, डाबरी, टीयूकरी, खनोल, क्वालटा, सिहांवा ,सेनिमाजरा व झाण्डी सीवरेज सुविधा से नही जुड़े है को सीवरेज सुविधा से जोड़ने का प्रस्ताव पारित किया गया। एन एस एफ (सस्ते राशन) के लिए 576 परिवारों का चयन भी आमसभा में किया गया। पँचायत प्रधान ने कहा कि सभी पारित प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याएं भी आमसभा में सुनी गई जिनका समाधान भी पँचायत द्वारा जल्द ही किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोलन-शिमला के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य के दृष्टिगत 27 जुलाई, 2021 को 11 केवी वाटर सप्लाई फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस के दृष्टिगत 27 जुलाई, 2021 को प्रातः 09.30 बजे से सांय 06.00 बजे तक चम्बाघाट चौंक, फॉरेस्ट कॉलोनी, बेर गांव, बेर पानी, डीआईसी, बेर खास, करोल विहार, एनआरसीएम, जौणाजी, दामकड़ी, फ्लाई, शिल्ली, धाली, सेर चिराग, मशीवर, भाजो, कोटला, अश्वनी खड्ड, चंगर, रालीधार, बजरोल, नडोह, शूलिनी नगर के कुछ क्षेत्रों, दुग्ध शीतन सयन्त्र एंव इसके आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रदेश विद्युत बोर्ड ने इस अवधि में क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि विजयकुमार मलिमथ ने रविवार को सोलन जिला के अर्की उपमण्डल के मुख्यालय में 11.49 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले न्यायालय परिसर की आधारशिला रखी। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संदीप शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन भूपेश शर्मा, न्यायिक दण्डाधिकारी अर्की प्रशान्त नेगी, बार ऐसोसिएशन के अध्यक्ष तुलसी राम ठाकुर, नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, उपमण्डलाधिकारी अर्की शहजा़द आलम, उप पुलिस अधीक्षक प्रताप ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता एस.पी. जगोता, अधिशाषी अभियन्ता रवि कपूर, बार ऐसोसिएशन अर्की के अन्य पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश उच्चतर शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में बीए, बीकॉम प्रथम, द्वितीय, तृतीय वर्ष में दाखिले 26 जुलाई 2021 से प्रारंभ किए जाएंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य जनेश कपूर ने बताया कि सभी दाखिले ऑनलाइन माध्यम से होंगे। दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी महाविद्यालय की वेबसाइट www.gdcdarlaghat.edu.in पर जाएं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने ब्राउज़र के एड्रेस बार में इसे कॉपी पेस्ट या टाइप करें और एडमिशन के लिंक को खोलें, फिर अपना अकाउंट बनाकर दाखिले की प्रक्रिया का पालन करें। जनेश कपूर ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए महाविद्यालय की वेबसाइट अथवा फेसबुक पेज पर प्राप्त निर्देशों का अनुसरण करें अथवा महाविद्यालय के कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।
जिला परिषद सदस्य दाड़ला वार्ड रामकृष्ण शर्मा ने सितंबर 2020 में 15वें वित्त आयोग के तहत आवंटित राशि को पंचायतों से वापस मंगवाने के वर्तमान जिला परिषद के निर्णय की आलोचना की है। पूर्व जिला परिषद सदस्य राम कृष्ण शर्मा ने कहा कि पूर्व में जिला परिषद की बैठक में औपचारिक रूप से 15वें वित्त आयोग के तहत प्रत्येक वार्ड में नियम अनुसार राशि आवंटित की गई थी, जिसे नई जिला परिषद ने पंचायतों से वापिस मंगवा कर उसे स्वयं नये सिरे से वितरित करने के निर्णय लिया है, जो सरासर ग़लत है। उन्होंने कहा कि इस राशि को तुरंत संबंधित पंचायतों को वापिस भेजा जाए तथा जो सेल्फ जिला परिषद में सितंबर 2020 में स्वीकृत हुई है, उसके अनुरूप ही पंचायतों में स्वीकृत विकास कार्यों को आरंभ किया जाए। इस राशि को पंचायतों से वापस मंगवाने को लेकर जनता में भारी रोष है क्योंकि यह राशि पूर्व जिला परिषद द्वारा विधिवत रूप से स्वीकृत की थी तथा स्वीकृति की अधिसूचना संबंधित पंचायतों को भी भेजी जा चुकी हैं। संबंधित पंचायतों के ग्रामीणों ने स्वीकृति की अधिसूचना मिलने के पश्चात कई जगह पर विकास कार्य आरंभ भी कर दिए थे। पूर्व जिला परिषद सदस्य ने कहा कि यदि तुरंत इस राशि को संबंधित पंचायतों को वापिस ना भेजा गया तो जिला परिषद के पूर्व सदस्यगण एकजुट होकर उचित कार्यवाही करने पर मजबूर होंगे।
भाजपा सोलन मंडल की बैठक कंडाघाट में संपन्न हुई। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर द्वारा की गई।बैठक में जिला प्रभारी पायल वैद्य, जिला अध्यक्ष आशुतोष विद्या, 2017 के प्रत्याशी राजेश कश्यप पूर्व जिला परिषद चेयरमैन शीला एवं नंदन कश्यप उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने गुरु एवं शिष्य के महत्वपूर्ण रिश्ते के बारे में प्रकाश डाला और एक शिष्य के जीवन में गुरु किस प्रकार से एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है उसका उल्लेख किया। उन्होंने इस कार्यक्रम में 6 सेवानिवृत्त शिक्षकों रामेश्वर शर्मा, गणेश दत्त, जयंत शर्मा, मुन्नी लाल परिहार, डॉ इंद्रा धरोच एवं सुरेखा को भी सम्मानित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा बूथ स्तर की पार्टी है और हमें बूथ की बैठकों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को केंद्रित करते हुए हमे बूथ की बैठकें करनी होगी। आने वाले उपचुनावों में जिस व्यक्ति को भारतीय जनता पार्टी टिकट देगी, सभी कार्यकर्ता उसके साथ कार्य करेंगे। भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपस में समन्वय बनाकर सारे पार्टी के कार्यक्रमों को धरातल पर उतारेंगे और आने वाले 2022 के चुनावों में हम सोलन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का विधायक चुनकर विधानसभा में भेजेंगे।
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष पर पट्टाबरावरी में चल रही 7 दिवसीय श्री मद भागवत कथा को शनिवार को हवन व पूजा अर्चना के साथ विराम दिया गया। शनिवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आचार्य हरि महाराज ने कहा कि है गुरु भक्ति ही सबसे श्रेष्ठ तीर्थ है। आचार्य ने कथा के दौरान सुदामा भक्त और श्री कृष्ण की दोस्ती का प्रसंग बड़े मधुर भाव से श्रोताओं को सुनाया। जिसे सुनकर स्रोता भावभिभोर हों गए। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी एवं प्रधान पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन इकाई पट्टाबरावरी हरिपुर डीडी कश्यप ने कहा कि 18 जुलाई से आरम्भ हुई श्रीमद भागवत कथा को आज विराम दिया गया। सात दिन तक चली इस कथा का सैंकड़ो कृष्ण भक्तों ने बड़े भक्ति भाव से आनन्द लिया। कथा समापन के मौके पर स्वास्थ्य मन्त्री डॉ राजीव सहजल भी पहुंचे। मन्त्री ने पटाबरावरी महिला मण्डल से निर्माणाधीन मन्दिर तक सड़क पक्की करने व मन्दिर निर्माण के लिए 21000 रुपये देने की घोषणा की।
शनिवार सांय कुनिहार के समीप अर्की मार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि कार में सवार पांचों लोग सुरक्षित थे। जानकारी के अनुसार शनिवार करीब 4:35 बजे के आस पास कुमाहरहट्टी से एक कार किसी शादी समाहरोह से आ रही थी व उन्हें घुमारवीं जाना था। जैसे ही कार कुनिहार पुराना बस स्टैंड से अर्की मार्ग पर करीब 200 मिटर आगे गई कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मिटर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी के खाई में गिरने की सुचना स्थानीय लोगो ने स्थानीय पुलिस को दी। घायलों में चालक सुरेश कुमार सपुत्र भाग सिंह गांव स्नोर बिलासपुर, प्रीतम सिंह सपुत्र कांसी राम मलोट बिलासपुर, गंगा राम सपूत स्व नाथू राम गांव पलथी बिलासपुर, श्याम लाल सपुत्र हरिराम गांव ननावा बिलासपुर, सुरेश कुमार सपुत्र पुरषोत्तम गाँव ननावा बिलासपुर को पुलिस द्वारा स्थानीय चिकित्सालय कुनिहार में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया। डीएसपी सोलन रमेश शर्मा ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा आगामी कार्यवाही जारी है।
दाड़लाघाट उपमंडल के अंतर्गत एनएच-205 छामला में एमबीआई द्वारा गाड़ियों की पासिंग का स्थान आम आदमी के लिए मुसीबत बन गया है। इस स्थान पर एक माह में लगभग 3 बार गाड़ियों की पासिंग की जाती है। अपनी गाड़ी की पासिंग करवाने के लिए चालक एक दिन पहले से ही सड़क के दोनों ओर अपनी गाड़ियां लगा देते हैं, जिस कारण एक दिन पहले से ही जाम की स्थिति शुरू हो जाती है और पासिंग वाले दिन तो स्थिति बेकाबू हो जाती है। सड़क पर चलने वाले रुटीन वाहनों को घंटों तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर अंबुजा सीमेंट उद्योग के ट्राले भी मुख्य मार्ग पर आते हैं, जिनके कारण पहले ही यहां जाम की स्थिति बनी रहती है और पासिंग वाले दिन तो आम आदमी को यहां से गुजरना और मुश्किल हो जाता है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि पासिंग के लिए इस साथ को बदलकर किसी ऐसी जगह स्थापित करें जहाँ वहां खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह हो। वंही, इस बारे में जब डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पासिंग के बारे में कोई सूचना नही थी। लोगों को जल्द इस समस्या से निजात दिलवाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
जिला दण्डाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हारी ने प्रदेश के मुख्य सचिव एवं राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में जिला में छूट एवं प्रतिबन्ध के सम्बन्ध में आवश्यक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार सोलन जिला के सभी विद्यालय जिनमें आवासीय एवं आंशिक रूप से आवासीय विद्यालय सम्मिलत हैं, 2 अगस्त से 10वीं, 11वीं तथा 12वीं कक्षाओं के लिए खोले जा सकते हैं। सभी विद्यालयों को शिक्षा विभाग द्वारा जारी मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए कोविड-19 से बचाव के लिए जारी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी। कक्षा 5वीं तथा 8वीं के छात्रों को 2 अगस्तसे संशय निवारण के लिए विद्यालय आने की अनुमति होगी। आदेशों के अनुसार विश्वविद्यालय के शोधार्थी सम्बन्धित विश्वविद्यालय द्वारा अधिसूचित तिथियों के अनुसार विश्विद्यालय आ सकेंगे। उन्हें शिक्षा विभाग द्वारा जारी मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए कोविड-19 से बचाव के लिए जारी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी। ऑफलाइन कोचिंग, ट्यूशन तथा प्रशिक्षण संस्थानों को 26 जुलाई से कार्य करने की अनुमति होगी। इन सभी को मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए कोविड-19 से बचाव के लिए जारी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी। प्रशिक्षण संस्थानों में केवल उन्हीं उम्मीदवारों को प्रशिक्षण में भाग लेने की अनुमति होगी जिनका कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण न होने की स्थिति में उम्मीदवार को रिपोर्टिंग समय से 72 घण्टे पूर्व तक प्राप्त नेगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट साथ लानी अनिवार्य है। इन आदेशों की अवहेलना पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा-188, आपदा प्रबन्धन अधिनियम, 2005 की धारा 51 से 60, हिमाचल प्रदेश पुलिस नियम, 2007 सहित अन्य विधि सम्मत प्रावधानों के अन्तर्गत उचित कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश 26 जुलाई तथा 2 अगस्त से प्रभावी होंगे। सभी को सम्बन्धित विभागों द्वारा जारी मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए कोविड-19 से बचाव के लिए जारी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी।
सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत आज यहां एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यालय अध्यक्षों से निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूची तैयार करने को कहा गया। राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुचारू निर्वाचन के लिए सभी आहरण एवं वितरण अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की सूची 31 जुलाई, 2021 तक जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन को प्रेषित करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारियों को डाइस सॉफ्ट्वेयर की जानकारी प्रदान की गई। तहसीलदार निर्वाचन ने कहा कि सभी अधिकारी वेबपोर्टल http://admins.hp.nic.in पर कर्मचारियों का विवरण अद्यतन करें तथा इसे जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के ई-मेल पते elect-sol-hp@nic.in पर प्रेषित करना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी में ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियां की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी जिनकी सेवानिवृति अवधि 01 वर्ष या इससे कम रह गई है। राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि वेबपोर्टल से सम्बन्धित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 94598-46448 तथा 82193-22281 पर प्राप्त की जा सकती है। बैठक में नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान सिंह ठाकुर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत जिला में मदिरा के उत्पादन, भण्डारण एवं वितरण के अनुश्रवण के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग सोलन के उप आयुक्त हिमांशु आर. पंवर को राजस्व जिला सोलन तथा राज्य कर एवं आबकारी विभाग बद्दी के उप आयुक्त वरूण कटोच राजस्व जिला बद्दी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत जिला में मदिरा के उत्पादन, भण्डारण एवं वितरण के अनुश्रवण के लिए राजस्व जिला सोलन से सम्बन्धित जानकारी के लिए हिमांशु आर. पंवर से दूरभाष नम्बर 01792-223744 तथा मोबाइल नम्बर 94182-34060 या ईमेल dcste.solan@mailhptax.gov.in पर सम्पर्क किया जा सकता है। मदिरा के उत्पादन, भण्डारण एवं वितरण के अनुश्रवण के लिए राजस्व जिला बद्दी से सम्बन्धित जानकारी के लिए वरूण कटोच से दूरभाष नम्बर 01795-271212 तथा मोबाइल नम्बर 94181-63237 या ईमेल dcste.baddi@mailhptax.gov.in पर सम्पर्क किया जा सकता है।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी है। उप निर्वाचन से सम्बन्धित कार्यों की समीक्षा के लिए सभी नोडल अधिकारियां की प्रथम बैठक 26 जुलाई, 2021 को आयोजित की जाएगी। यह बैठक उपायुक्त कार्यालय सोलन के बैठक कक्ष में 26 जुलाई, 2021 को सांय 3.00 बजे आयोजित होगी।
जिला सोलन के विभिन्न क्षेत्रों कोटी, धर्मपुर, कादो, सुल्तानपुर, धरांह, कालाघाट, सोलन, देवठी, सुबाथू,, रडियाणा, रामपुर, चण्डी, गमझून, ग्रौणघाटी, अलोबरा, कन्यारा, बोकरा, बडोरघाटी, कुनिहार, उच्चागांव,मांझू, बावां, बुघार कनैतां, आदि क्षेत्रों में वृक्षारोपण का एक सुपर मेगा प्रोजेक्ट शैक्षिक आगाज, रेडियो मेरी आवाज एवं लिटिल हेल्प द्वारा किया गया। इस प्रोजेक्ट के द्वारा सम्पूर्ण भारत ही नहीं बल्कि विश्व के अनेक देशों में प्रातः 6 से लेकर शाम 6 बजे तक हरित क्रांति लाने एवं अपने पर्यावरण की सुरक्षा हेतु ऑक्सीजन देने वाले उपयोगी पेड़ो जैसे पीपल, नीम, बरगद का वृक्षारोपण किया गया। इन पेड़ों के साथ ही विभिन्न पर्यावरण संरक्षकों ने बिलपत्र, पारिजात, गुड़हल, तथा फलदार वृक्ष जैसे नींबू, संतरा, पपीता, कटहल, अमरूद, गलगल, अनार, आदि पेड़ों का भी वृक्षारोपण किया। पर्यावरण संरक्षण के कार्य में रमेश ठाकुर जिला परिषद अध्यक्ष सोलन, गौरव शर्मा प्रवक्ता शूलिनी यूनिवर्सिटी, कमल देव केंद्राध्यक्ष क्लस्टर गाईघाट,सुमन पाठ केंद्राध्यक्षा क्लस्टर उच्चागांव, रोशनलाल केंद्राध्यक्ष क्लस्टर गमझून, रवि शर्मा रामपुर यूथ क्लब, दिनेश शर्मा शास्त्री राजकीय माध्यमिक पाठशाला कोटी, राजेश शर्मा एवं राकेश शर्मा राजकीय माध्यमिक पाठशाला ग्रौणघाटी, अश्वनी शर्मा राजकीय माध्यमिक पाठशाला गमझून, भारती ठाकुर कनिष्ठ बुनियादी शिक्षिका, धरांह यूथ क्लब, बलदेव ठाकुर, गौरी शंकर, आदि ने लगभग 1000 पौधे लगाकर अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कमल कुमार शर्मा ने कहा कि शैक्षिक आगाज, लिटिल हेल्प, रेडियो मेरी आवाज सभी लोगों से निवेदन करता है कि इस बरसात के मौसम में अधिक से अधिक पेड़ लगाएं तथा पृथ्वी को हरी-भरी, स्वच्छ एवं सुंदर बनाएं ।
डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने विश्वविद्यालय द्वारा विज्ञापित विभिन्न पदों के लिए प्रोविजिनल रूप से भर्ती उम्मीदवारों के लिए लिखित ऑब्जेक्टिव टाइप परीक्षा तारीक की अधिसूचना जारी कर दी है। ड्राइवर (पोस्ट कोड 212) और फार्मासिस्ट (पोस्ट कोड 302) के लिए परीक्षा की तिथियां क्रमशः 15 सितंबर और 17 सितंबर को आयोजित की जाएगी। प्रयोगशाला तकनीशियन (पोस्ट कोड 303) और जूनियर इंजीनियर सिविल (पोस्ट कोड 204) के लिए परीक्षा क्रमशः 22 सितंबर और 3 अक्टूबर को होगी जबकि फील्ड असिस्टेंट (पोस्ट कोड 208) के पद के लिए परीक्षा 17 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 के बीच आयोजित की जाएगी। पात्र उम्मीदवारों को अपना रोल नंबर/संशोधित प्रवेश पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.yspuniversity.ac.in से डाउनलोड करना होगा। जो परीक्षा से 10 दिन पहले उपलब्ध होगा। उम्मीदवार 01792-252444 या rectt.uhf@gmail.com पर भी संपर्क कर सकते हैं।
अर्की उपचुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगो व चैनलों के द्वारा भाजपा में प्रत्याशी को लेकर बेवजह बयान बाजी कर राई का पहाड़ बनाने की कोशिश की जा रही है। जारी बयान में भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी इन्दर पाल शर्मा ने बताया की अर्की से भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा ये प्रदेश संगठन तय करेगा। स्वाभाविक है की चुनाव के समय पार्टी का कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता टिकट की मांग कर सकता है। अर्की में भाजपा के दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं जो 40 वर्षो से संगठन में सक्रिय रूप से पार्टी के मंडल, जिला व राज्य स्तर पर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं अथवा कर रहे हैं। संगठन जिसे भी टिकट देगा भाजपा का हर एक कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेगा और अर्की से भाजपा के प्रत्याशी को विजयी बनाएगा। शर्मा ने कहा की कॉंग्रेस पार्टी में भी अनेक लोग टिकट मांग रहे हैं। अपनी पार्टी से सभी को टिकट मांगने का अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा की सभी टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं से निवेदन है कि वह मंडल के माध्यम से उचित प्लेटफार्म पर ही अपनी बात रखें। मीडिया में जाकर टिकट की मांग करना यह पार्टी की पद्धति नहीं है सभी अनुशासन बनाकर रखें।
ग्राम पंचायत सेवडा चंडी के कांगरी धार में देवता बाडुबाडा मंदिर में अर्की विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक वीरभद्र सिंह व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेन्द्र ठाकुर के प्रयासों से 2 लाख पचास हजार की हाईमास्ट लाईट मंदिर परिसर में पहुँच गयी। इस कार्य के लिए मंदिर कमेटी के प्रधान लेखराम ठाकुर, सचिव परस राम सेन व स्थानीय लोगों ने राजेन्द्र ठाकुर का धन्यवाद किया है। इस मौके पर ब्लॉक समिति कुनिहार की अध्यक्षा सोमा कोंडल, ब्लॉक कांग्रेस अर्की के महासचिव वेद ठाकुर, चाखड-पारनु ब्लॉक समिति सदस्य बलवंत सिंह, नवगांव की ब्लॉक समिति सदस्य रक्षा देवी, उपप्रधान सेवड़ा चंडी तुलसी राम, उपप्रधान कश्लोग भागीरथ ठाकुर, पूर्व प्रधान चाखड, उपेंद्र ठाकुर, पूर्व प्रधान सन्याडी मोड जीतराम ठाकुर, कृष्ण ठाकुर, नरेश ठाकुर, नागेश शर्मा, हेमराज बंसल, खेमराज ठाकुर, बबलू ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, पवन ठाकुर, हेम राज, बनीत ठाकुर सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डॉ. विकास सूद की अध्यक्षता में आज कण्डाघाट में कोविड-19 से बचाव के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डॉ.विकास सूद ने बैठक में खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी को निर्देश दिए कि उपमण्डल में कोविड-19 की रेंडम सैम्पलिंग के लिए समय सारिणी तैयार करें। उन्होंने कहा कि चायल में ऑक्सीजन संयंत्र का प्राक्कलन लोक निर्माण विभाग के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन को प्रेषित किया गया है। इस मामले में आगामी कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि यह ऑक्सीजन संयंत्र शीघ्र स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि कण्डाघाट तथा चायल बाजार सहित उपमण्डल के अन्य क्षेत्रों में कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करें। लोगों को सोशल डिस्टेन्सिग नियम के पालन तथा सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने के लिए जागरूक किया जाए। उपमण्डलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायत प्रतिनिधियों के साथ कोविड-19 सैम्पलिंग की सारिणी साझा करे तथा ग्राम पंचायतों में इस कार्य के लिए स्वयंसेवियों की सहायता ली जाए। यह सुनिश्चित बनाया जाए कि रेंडम सैम्पलिंग के माध्यम से कोरोना संक्रमण को रोका जा सके।इस अवसर पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संगीता उप्पल, तहसीलदार कण्डाघाट अमन कुमार राणा, सीडीपीओ कण्डाघाट पवन गर्ग, नगर पंचायत कण्डाघाट के सचिव रजनीश चौहान, कनिष्ठ अभियन्ता सुलक्षण जसवाल, स्वास्थ्य विभाग से कमलेश शुक्ला, खेम चंद वर्मा उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा 26 जुलाई से 9 अगस्त तक जिला में सघन दस्त रोग निवारण पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ.अजय सिंह ने दी। डाॅ.अजय सिंह ने कहा कि इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य लोगों को दस्त रोग से बचाव के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पखवाड़े को सफल बनाने के लिए आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल के निर्देशानुसार नगर निगम सोलन की परिधि में कार्यरत आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में 34 आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। शिविर में आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में पखवाड़े के दौरान ऐसे सभी घरों में जाने के निर्देश दिए गए जिनमें 0 से 5 वर्ष आयुवर्ग तक के बच्चे हैं। उन्हें निर्देश दिए गए कि ऐसे सभी घरों में दस्त रोग से बचाव की जानकारी दी जाए और ओआरएस एवं जिंक की गोलियां वितरित की जाए। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मुक्ता रस्तोगी ने आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को ओआरएस पैकेट्स, जिंक की गोलियां, मास्क, सेनिटाइजर व जागरूकता के लिए हैण्ड बिल्स उपलब्ध करवाए। उन्होंने आग्रह किया कि 26 जुलाई से आयोजित किए जाने वाले पखवाड़े में घर-घर जाकर लोगों को दस्त रोग से बचाव के विषय में जागरूक बनाएं। इस अवधि में सभी को कोविड-19 से बचाव के लिए नियम पालन तथा जलजनित रोगों से सुरक्षा के सम्बन्ध में जागरूक भी किया जाए। डाॅ.अजय सिंह ने नगर निगम सोलन की परिधि में रहने वाले सभी निवासियों से अपील की कि पखवाड़े के दौरान इस कार्य के लिए तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सघन दस्त रोग निवारण पखवाड़े का संचालन स्वास्थ्य पर्यवेक्षक उमाशंकर करेंगे। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
हिमाचल प्रदेश बस अड्डा प्रबन्धन एवं विकास प्राधिकरण सोलन द्वारा नया बस अड्डा सोलन में दुकान की नीलामी के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश बस अड्डा प्रबन्धन एवं विकास प्राधिकरण सोलन क्षेत्र के नोडल अधिकारी शुगल सिंह ने दी। शुगल सिंह ने कहा कि नया बस अड्डा सोलन में दुकान नम्बर 21 को 33 माह की अवधि के लिए नीलाम किया जाएगा। इच्छुक प्रार्थी हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम सोलन के क्षेत्रीय प्रबन्धक के कार्यालय में 26 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक प्रार्थी उक्त तिथि को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक 500 रुपए के भुगतान तथा 18 प्रतिशत जीएसटी का भुगतान कर निविदा पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए निगम के दूरभाष नम्बर 01792-230219 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा प्राकृतिक खेती अपनाकर हम सुदृढ़ भविष्य की नींव रख सकते हैं। डॉ. सैजल गत सांय सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में पात्र लाभार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से चैक वितरित करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर क्षेत्र के पात्र 34 लाभार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से लगभग 03 लाख रुपए के चैक वितरित किए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है कि सभी ऐसा आहार ग्रहण करें जो रासायनिक जहर से मुक्त हो। इसके लिए प्रदेश में कार्यान्वित की जा रही प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना आशा की एक किरण है। इस योजना के राज्य में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्रदेश में एक लाख से अधिक किसान सफतापूर्वक प्राकृतिक खेती कर रहे हैं और इस वर्ष 50 हजार और किसान यह खेती अपनाने की दिशा में अग्रसर हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि समाज के गरीब व ज़रूरतमंदों की सहायता के लिए सभी को निःस्वार्थ भाव से आगे आना चाहिए ताकि ऐसे व्यक्तियों का उत्थान सुनिश्चित हो सके। आयुष मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की विकास सम्बन्धी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। जीरो प्वाइंट से ओच्छघाट तक सड़क का निर्माण भाजपा के कार्यकाल में किया गया है और इससे किसान, बागवान एवं छात्र विशेष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। भाजपा सरकार के प्रयास से ही इस क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हैं। सुल्तानपुर में स्थापित एम.एम.यू. अस्पताल एवं महाविद्यालय सोलन जिला सहित पूरे क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सुल्तानपुर के कार्यालय भवन का निर्माण शीघ्र किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा मंडल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष यशपाल ठाकुर, ग्राम पंचायत सुल्तानपुर के प्रधान संजय कुमार, पूर्व प्रधान वीना पराशर, भाजयुमो कसौली के उपाध्यक्ष गौरव ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, खण्ड विकास अधिकारी रमेश शर्मा सहित काफी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
पट्टाबरावरी में निर्माणाधीन श्री बाँके बिहारी मन्दिर के समीप आचार्य एवं श्री बाँके बिहारी विश्व मंगलम सेवा धाम के संस्थापक हरि महाराज ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पौधा रोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। सेवा धाम के मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप ने बताया कि मन्दिर परिसर के आसपास अलग अलग किस्म के पौधों को रोपा जाएगा। जिसका शुभारम्भ आज हरि महाराज के द्वारा रूद्राक्ष का पौधा लगाकर किया गया। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन श्री बाँके बिहारी मन्दिर के लिए लोग अपनी स्वेच्छा से सहयोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में हाल ही में विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त देवेन्द्र कुमार शर्मा पट्टाबरावरी ने इस कार्य के लिए 1 लाख 11 हजार 1 सौ 1 रुपये का सहयोग किया। उन्होंने इछुक व्यक्तियों से मन्दिर निर्माण के लिए सहयोग की अपील की है।
दाड़लाघाट ग्राम पंचायत दावटी के गांव शावग में हिमको फेडरेशन चेयरमैन एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रत्न सिंह पाल व जिला परिषद भुवनेश्वरी ने शिरकत की। समारोह में उन्होंने दावटी के विकास कार्यों का जिम्मा उठाया व आश्वासन दिया जो भी कार्य होंगे उन्हें भली-भांति पूरे रूप से किया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के उप प्रधान हीरा सिंह कौंडल, जिला किसान मोर्चा सचिव मंसाराम ठाकुर, बाबूराम ठाकुर, बूथ अध्यक्ष हेतराम शर्मा, ज्ञान सिंह, पवन, भारतीय जनता महिला मोर्चा की मंडल की महामंत्री सुनीला, भारतीय जनता युवा मोर्चा महामंत्री व पूर्व पंचायत उपप्रधान विजय कुमार, लेखराज, धर्मपाल शर्मा, गीता राम, शावग वार्ड की वार्ड सदस्य रीता, दात्ती ब्राह्मणा के वार्ड सदस्य लेखराज, चन्द्रमणि, हीरा पाल, हेतराम, लेखराम ,प्रेम लाल शर्मा, ज्ञान सिंह, महिला मंडल की प्रधान व अन्य भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सहित पंचायत वासी मौजूद रहे।
अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन व नावार्ड शिमला के सहयोग से गांव शावग में चलाई जा रही जलागम परियोजना के अंर्तगत गांव शावग में पौधरोपण कार्यक्रम के अंर्तगत देवदार के 700 पौधे वितरित किए गए। जलागम समिति की प्रधान रीमा देवी ने बताया कि पौधरोपण कार्यक्रम के अंर्तगत इस वर्ष 2000 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबंधक भूपेंद्र गांधी ने बताया कि विभिन्न जलागम परियोजनाओं के अंर्तगत इस वर्ष करीब 10000 पौधे लगाए जाएंगे।
ग्राम पंचायत रौड़ी के अंतर्गत गांव बागा में पंचायत प्रधान रीना शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गांव बागा की कृषि भूमि के चारों ओर लगने वाली कम्पोजिट सोलर फैंसिंग हेतु मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राजीव सहजल , हिमको के चेयरमैन रत्न सिंह पाल का धन्यवाद किया गया। इस बैठक को अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन द्वारा निर्मित ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष हीरालाल ने बताया कि बागा गांव में 4 फुट ऊंची जाली तथा उसके ऊपर 3 फुट ऊंची तीन तार वाली 3500 मीटर लम्बी सोलर फेंसिंग लगाने हेतु सरकार से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। कुल 37 लाख की लागत से लगने वाली इस फेंसिंग के अंतर्गत गांव खाता, बागा, उपरली नौणी, नीचली नौणी, सकराह, इत्यादि गांव के किसानों की भूमि पड़ती है अतः सभी लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। इस बैठक में अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के प्रबंधक योगेश शर्मारमन कपिलउप प्रधान जीतराम महिला मंडल बागा, कृषि विभाग से सुंदरलाल, वार्ड नंबर 4 तथा 5 के पंचायत सदस्य तथा अन्य समस्त लाभान्वित होने वाले सभी गांव के लोग मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जुलाई को 11 केवी फीडर सोलन नम्बर-2 के अन्तर्गत सामान्य मुरम्मत कार्य के दृष्टिगत विभिन्न स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता विपुल कश्यप ने दी। विपुल कश्यप ने कहा कि इसके दृष्टिगत न्यू कथेड़, 132 केवी उपकेन्द्र के समीप, हाउसिंग बोर्ड, कलीन, डिग्री काॅलेज, शनि मंदिर, ऑफिसर काॅलोनी, सूर्या विहार, खलीफा लाॅज, फोरेस्ट रोड, पेलेस रोड, टैंक रोड, जेबीटी रोड, डाईट, गनालग, मतियूल, खनोग तथा जुब्बड़ में 24 जुलाई को दोपहर 2.00 बजे से बजे से सांय 5.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। उन्होंने इस अवधि के दौराल लोगों से सहयोग की अपील की है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर ने कहा कि घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए परिवारों के मध्य अधिक सांमजस्य तथा पारिवारिक मूल्यों में विश्वास आवश्यक है। डाॅ. डेजी ठाकुर आज यहां घरेलू हिंसा अधिनियम-2005 के अन्तर्गत आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला को सम्बोधित कर रही थी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों एवं संरक्षण अधिकारियों के लिए आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से किया गया। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि घरेलू हिंसा अधिनियम-2005 महिलाओं को हर प्रकार के उत्पीड़न से संरक्षण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाएं अपने विरूद्ध हो रहे अत्याचार के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करवाती हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा के अधिकतर मामले आपसी बातचीत से सुलझाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास तथा पुलिस विभाग को अधिक समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए ताकि घरेलू हिंसा के मामलों की जानकारी प्राप्त कर इन्हें शीघ्र निपटाया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में महिला एवं बाल विकास विभाग के संरक्षण अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। कोविड-19 के संकट के समय में प्रदेश में घरेलू हिंसा के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य महिला आयोग द्वारा इस समस्या के निराकरण के लिए व्हाट्सऐप नम्बर 94598-86600 भी जारी किया गया है। इसके माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती है। उन्होंने कहा कि इस नम्बर के माध्यम से आयोग घरेलू हिंसा की विभिन्न शिकायतों की जानकारी प्राप्त कर इन्हें सुलझाने में सफल रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित सभी संरक्षण अधिकारियों एवं अन्य का आह्वान किया कि घरेलू हिंसा की शिकायतों का त्वरित संज्ञान लें और आवश्यकता पड़ने पर मामले की जानकारी उचित स्तर तक प्रेषित करें ताकि पीड़ित महिला को न्याय मिलने में विलम्ब न हो। डाॅ. डेजी ठाकुर ने कहा कि घरेलू हिंसा के अभिशाप से निपटने के लिए प्रदेश में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आरम्भ सोलन से किया गया है। प्रदेश के सभी जिलों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर विधि अधिकारी अनुज वर्मा, अधिवक्ता विपिन पंडित, अभिषेक ठाकुर ने घरेलू हिंसा अधिनियम-2005 की विस्तृत जानकारी प्रदान की। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र तेगटा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक यादव, उप पुलिस अधीक्षक योगेश दत्त जोशी, सभी विकास खण्डों के समेकित बाल परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक, वन स्टाॅप सेंटर तथा महिला शक्ति केन्द्र के सदस्य उपस्थित थे।
सोलन विकास खण्ड की पट्टाबरावरी पँचायत के निर्माणाधीन श्री बाँके बिहारी मंदिर परिसर में पिछले पांच दिनों से चल रही श्रीमद भागवत कथा के पांचवे दिन कथा वाचक।हरि जी महाराज ने कृष्ण भगवान की कई लीलाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सात वर्ष के कन्हैया ने अपने ब्रज वासियों की रक्षा के लिये सात दिन और रात तक गोवर्धन पर्वत को अपनी एक उंगली पर धारण करके सम्पूर्ण संसार को गोवर्धन पूजा का सुंदर सन्देश दिया और गोवर्धन पूजा की संसार मे व्यवस्था स्थापित की। हरी महाराज ने अगले प्रसंग में कहा कि जब-जब संसार में पाप बढ़ता है तब-तब भगवान श्री राम व श्री कृष्ण जी को इस धरती पर अवतार लेना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को पाप और दुष्कर्मो से दूर रहना चाहिए और अच्छे समाज के लिये हमेशा कार्य करते रहना चाहिए। डीडी कश्यप मीडिया प्रभारी एवं रिटायर्ड सूचना अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि श्री हरि जी महाराज की मधुर वाणी से कथा श्रवण के साथ सुंदर भजनों का भी आनन्द ले रहे हैं। कथा के बाद सभी को भण्डारे की व्यवस्था प्रतिदिन की जा रही है। इस कथा को 25 जुलाई को विराम दिया जाएगा।
वीरवार को पट्टाबरावरी में पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन इकाई पट्टाबराबरी -हरिपुर की मासिक बैठक इकाई अध्यक्ष डीडी कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में सबसे पहले स्व राजा वीरभद्र सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि देकर दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में क्षेत्र के कई विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। डीडी कश्चयप ने चर्चा करते हुए प्राइमरी स्कूल पट्टाबरवारी में मुख्य अध्यापक के रिक्त पद को भरने की सरकार से मांग की है। इसके अलावा पेंशनरों ने अपनी पुरानी कई मांगो पर भी चर्चा कर सरकार से उन्हें पूरा करने की मांग की है। इस बैठक में जगदेव गर्ग, केशवा राम, जगदीश शर्मा, प्रेम चन्द कश्यप, महमूद वेग, शीला, नेकराम कौशल, खेमचंद ठाकुर, दीनानाथ गर्ग, किशन दास आदि उपस्तिथ रहे।
भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कसौली में आयोजित भाजपा हिमाचल प्रदेश की अनुसूचित जाति मोर्चे की प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यसमिति को सम्बोधित करते हुए कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस ने भारत रतन नहीं दिया वह नहीं चाहते थे की डॉक्टर अंबेडकर को भारत रतन मिले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने समाज को अलग करने का जो बीज डाला है उसे नष्ट करने का बड़ा प्रयास भाजपा द्वारा किया गया, 70 सालों में समाज को तोड़ने के अनेकों प्रयास हुए पर जोड़ने का प्रयास भाजपा द्वारा किया गया। हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 17 विधानसभा सीटें हैं जिसमें से 13 पर भाजपा का कब्जा है और आने वाले 2022 के चुनाव में 17 की 17 सीटों पर भाजपा की जीत होंगी। कांग्रेस ने केवल वोट बैंक आधारित राजनीति की है पर भाजपा ने ऐसा नहीं किया सामाजिक समरसता को लेकर भाजपा ने अनेकों कदम उठाए हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को अनुसूचित जाति वर्ग से बनाया है, भाजपा ने इस वर्ग का हमेशा मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की सरकार ने अनेकों जनकल्याण की योजनाएं हिमाचल प्रदेश में शुरू की है। हम सम्मान के साथ सर उठाकर वोट मांगने जा सकते हैं।
सोलन के धर्मपुर में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहाँ खेल-खेल में 11 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक बच्चा गांव रुंदन घोड़ों, ग्राम पंचायत बड़ोग, डाकघर कुमारहट्टी का रहने वाला था। दरसल, तनीष ने घर के पास पेड़ पर झूला लगाया हुआ था। झूला झूलते समय अचानक उसका गला रस्सी में लिपट गया। परिजनों द्वारा बच्चे को एमएमयू अस्पताल सुल्तानपुर ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वन परिक्षेत्र दाड़लाघाट के तहत वरिष्ठ पर्यवेक्षक अधिकारी किशोरी भारद्वाज की अध्यक्षता में बाड़ीधार परिसर में पौधरोपण किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत सरयांज के प्रधान रमेश ठाकुर, वन खंड अधिकारी पीपलुघाट राजेंद्र, वनरक्षक सुरेंद्र, संजय कुमार, तरुण शर्मा, पूर्व प्रधान संतराम के साथ बाड़ीधार मंदिर परिसर में चिनार का पौधा लगाकर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। पंचायत प्रधान रमेश ठाकुर ने इस मौके पर हिमाचल प्रदेश वन विभाग के पौधरोपण कार्यक्रम की खूब प्रसंशा की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से बाड़ी मंदिर परिसर की सुंदरता में चार चांद लग जाएंगे। इसके साथ ही देवदार व बान सहित अन्य प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए। वरिष्ठ पर्यवेक्षक अधिकारी किशोरी भारद्वाज ने कहा कि चिनार का पौधा बाड़ीधार के मौसम के अनुसार अच्छा चलेगा।किशोरी भारद्वाज ने बताया कि आजकल भरपूर बरसात में लोगों को कोई न कोई पौधा अवश्य लगाना चाहिए। अपने घरों के आसपास उन्हें जरूर पौधे रोपित करने चाहिए।जिससे वातावरण शुद्ध और हरा भरा होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए लाभदायक रहेगा।
जिला प्रशासन सोलन, वन विभाग एवं रेडक्रास समिति के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विकास खण्ड सोलन की ग्राम पंचायत ओच्छघाट के नन्दल गांव में वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव ने की। आज आयोजित इस वन महोत्सव समारोह में 250 से अधिक लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के लगभग 800 पौधे रोपे। समेकित बाल विकास परियोजना सोलन द्वारा इस अवसर पर आस-पास के क्षेत्रों में जन्मी 50 बेटियों के नाम पर 50 पौधे रोपित कर ‘बालिका सम्मान वाटिका’ स्थापित की गई। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश के हरित आवरण में वृद्धि समूचे उत्तर भारत के लिए लाभदायक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बालिका सम्मान वाटिकाएं स्थापित करने से जहां बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्किोण को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी वहीं यह वाटिकाएं आने वाले समय में पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहायक बनेंगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि पौधरोपण कार्यक्रमों को सफल बनाएं और रोपे गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चत करें। उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव ने इस अवसर पर कहा कि वृक्ष, पर्यावरण एवं भूमि संरक्षण के लिए अत्यन्त आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें प्राणदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ-साथ अनेक औषधियां भी प्रदान करते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि प्रकृति के संरक्षण के लिए पौधों की देखभाल बच्चों की तरह करें और यह सुनिश्चित बनाएं कि रोपे गए पौधे स्वस्थ वृक्ष बनें। ग्राम पंचायत ओच्छघाट की प्रधान पूनम शर्मा, ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, ग्राम पंचायत सन्होल की प्रधान कुसुम, बीडीसी सदस्य अनीता देवी, ग्राम पंचायत ओच्छघाट के उप प्रधान नरेश कुमार, तहसीलदार सोलन गुरमीत नेगी, खण्ड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा, सीडीपीओ सोलन डाॅ. पदमदेव शर्मा, आरओ सोलन तेजप्रकाश शर्मा, पर्यवेक्षक ओच्छघाट योगिता चौधरी, स्थानीय महिला मण्डल प्रधान कमलेश कुमारी, युवक मण्डल प्रधान राकेश ठाकुर सहित ओच्छघाट, नोणी व शमरोड ग्राम पंचायतों के लोग उपस्थित थे।
वन परिक्षेत्र दाड़लाघाट के तहत मंगलवार को वरिष्ठ पर्यवेक्षक अधिकारी किशोरी भारद्वाज की अध्यक्षता में मनलोग बड़ोग में पौधा रोपण किया गया। वरिष्ठ पर्यवेक्षक ने जामुन का पौधा रोप कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान वन रक्षक खुशबू व स्वाति शर्मा के साथ महिला मंडल बड़ोग मनलोग और महिला मंडल खालसा की लगभग 30 महिलाओं व स्थानीय लोगों ने खैर, दाडू, पाजा, बिउन्स आदि स्थानीय प्रजातियों के लगभग 100 पौधे रोपित किए। महिला मंडल मनलोग बड़ोग व खालसा की प्रधान सुनीता शर्मा और मीरा ने इस मौके पर हिमाचल प्रदेश वन विभाग के पौधारोपण कार्यक्रम की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पौधरोपण से जहां पर्यावरण सरक्षण तो होता ही है साथ ही ग्रामीण लोगों को अपने मवेशियों के लिए हरा चारा व जलावन की लकड़ी की भी आपूर्ति होगी है, वातावरण भी हरा भरा रहता है, साथ ही उन्होंने कहा कि हम पौधों की देखरेख की जिम्मेवारी लेने का आश्वासन देते है । कार्यक्रम के बाद वरिष्ठ पर्यवेक्षक अधिकारी किशोरी भारद्वाज ने बाडीधार में भी पंचायत प्रतिनिधयों और वन रक्षकों के साथ मिलकर चिनार के पौधे रोपे।
सोलन जिला में काविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर को रोकने और बचाव के लिए गठित जिला निगरानी समीति की सदस्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन की सचिव गुरमीत कौर ने जिला के धर्मपुर, सोलन एवं कण्डाघाट विकास खण्ड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर वहां लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव एवं नियम पालन की जानकारी प्रदान की। गुरमीत कौर ने धर्मपुर, गढ़खल-सनावर, पर्यटन क्षेत्र कसौली सहित धर्मपुर, भटोल, धार की बेड़, सिहारड़ी कुम्हारा, सिहारड़ी मुसलमाना और ग्राम पंचायत गढ़खल सनावर के गांव मोती काना, सनावर गढ़खल, बड़ाह, कीमूघाट, दोची गांव में लोगों को स्थानीय पंचायत प्रधान के माध्यम से कोविड-19 की तीसरी लहर से बचाव के विषय में विस्तार से अवगत करवाया। उन्होंने लोगों से उचित प्रकार से नाक से ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनने, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करने और बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से साफ करने का आग्रह किया। जिला निगरानी समीति की सदस्य ने लोगो से आग्रह किया कि अनावश्यक अपने घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों के पंचायत सदस्यों से आग्रह किया कि अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें ताकि शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त कर सभी को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके। गुरमीत कौर ने विकास खण्ड सोलन की ग्राम पंचायत चेवा एवं कुम्हारहट्टी के चेवा, हरिपुर उदयपूर, फलावन, खील, बढसेर, क्यार आदि गांव के लागों को भी कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बवाच के विषय में जागरूक किया। उन्होंने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन के अध्यापकों एवं कर्मियों व यहां निर्माण कार्य में संलग्न 14 ठेकेदारों एवं श्रमिकों को भी कोरोना से बचाव के विषय में जागरूक किया। उन्होंने कण्डाघाट विकास खण्ड की की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने सभी स्थानों पर लोगों को कोविड नियमों का पालन करने व कोरोना से बवाच के लिए उपायों से अवगत करवाया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन की सचिव ने नागरिक अस्पताल धर्मपुर व चायल में कोविड-19 से बचाव के लिए की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जांच की और उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनीं। गुरमीत कौर ने कहा कि कोविड-19 से सम्बन्धित जानकारी व सहायता के लिए जिला आपात केन्द्र हेल्पलाईन नम्बर-1077, दूरभाष नम्बर 01792-221234 तथा मेडिकल हेल्पलाइन 01792-220882, 220049 व 221200 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोलन से शिमला के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य के दृष्टिगत 22 जुलाई, 2021 को 11 केवी वाटर सप्लाई फीडर की आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी मंगलवार को प्रदेश विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता आर. विदुर ने दी। उन्होंने कहा कि इस कारण 22 जुलाई, 2021 को प्रातः 09.30 बजे से सांय 06.00 बजे तक चम्बाघाट चौक, फॉरेस्ट कालोनी, बेर गांव, बेर पानी, बेर खास, करोल विहार, एनआरसीएम, जौणाजी, दामकड़ी, फलाई, शिल्ली, धाली, सेर चिराग, मशीवर, भाजो, कोटला, अश्वनी खड्ड, चंगर, राली धार, बजरोल, नडोह, शूलिनी नगर के कुछ क्षेत्रों, दुग्ध शीतन सयंत्र तथा इसके आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति अगले कार्य दिवस पर बाधित की जाएगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक गोविंद शर्मा एवं भाजपा नेत्री एवं जिला परिषद सदस्य आशा परिहार कुनिहार विश्राम गृह में भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना से मिले उन्होंने भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना से बातचीत करते हुए कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी के सच्चे सिपाही है और भाजपा के लिए हर दम कार्य करेंगे। भाजपा नेताओं ने कहा की आगामी पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर सभी कार्य में लगे हैं और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जन कल्याण योजनाओं को लेकर घर घर जाकर इनका प्रचार भी करेंगे। भाजपा नेताओं ने कहा की वह भाजपा के प्रति समर्पित है। इस अवसर पर भाजपा शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया, जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य एवं भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा उपस्थित रहे।
भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि जिसके हाथ में कमल का फूल होगा कार्यकर्ता उसी के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है और इसमें कार्यकर्ता पार्टी का मजबूत स्तंभ माना जाता है, हमारे कार्यकर्ता को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर पूर्ण भरोसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा वृक्ष है जो व्यक्ति इससे जुड़ा रहता है वह आगे बढ़ता है इससे टूट कर कभी भी कोई नेता नहीं बन पाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार अनेकों योजनाओं के माध्यम से अच्छा कार्य कर रही है और इनकी बनाई योजनाओं से जनता को बड़ा लाभ प्राप्त हो रहा है। वास्तव में केंद्र और राज्य मिलकर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार चला रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार और संगठन में अच्छा तालमेल है जिसके कारण कार्यकताओं में अद्भुत जोश देखने को मिला है। उन्होंने कहा मोदी सरकार एवं जयराम सरकार के सुशासन और सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की नीति से देश व प्रदेश के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना ,प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, जल जीवन मिशन, सोशल हेल्थ कार्ड, हिम केअर योजना, गृहिणी सुविधा योजना एवं अनेकों योजनाओं से जनता को लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की मजबूती के लिए धरातल पर कार्य कर रही है जिसके अंतर्गत बूथ स्तर के ढांचे को और ज्यादा मजबूत किया जा रहा है जल्द ही बूथ स्तर पर बूथ कमेटियों का गठन होगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भाजपा अनेकों सम्मेलनों द्वारा संगठन को और मजबूत करने जा रही है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित होकर कार्य करें। डॉ. सैजल मंगलवार को सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के दत्यार में 72वें जिला स्तरीय वन महोत्सव अभियान का शुभारम्भ करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर वृक्षारोपण की जापानी पद्धति ‘मियावाकी’ के माध्यम से बरगद का पौधा रोपकर अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने महत्वाकांक्षी ‘एक बूटा बेटी के नाम’ योजना के तहत पीपल का पौधा भी रोपा। इस अवसर पर पीपल, अर्जुन, दाढ़ू, बहेड़ा, शीशम इत्यादि के 500 पौधे रोपे गए। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर कहा कि इस वित्त वर्ष में सोलन जिला में 386 हैक्टैयर भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के 3,10,000 से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि गत 3.5 वर्ष की अवधि में सोलन जिला में 1650 हैक्टैयर भूमि पर वृक्षारोपण किया गया है। उन्होंने इस अवसर पर ग्राम पंचायत जाबली और कोटी नाभ के वार्ड सदस्यों को 51-51 पौधे रोपित करने के लिए प्रदान किए। आयुष मंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान की सफलता रोपे गए वृक्षों की सुरक्षा पर निर्भर करती है। इस दिशा में युवा पीढ़ी की सहभागिता अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि युवा रोपित पौधों की देखभाल का प्रण लें तो धरती का हरित आवरण यथोचित बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि पौधरोपण अभियान की सफलता के लिए कार्य करें। डॉ. सैजल ने कहा कि समेकित बाल विकास परियोजना द्वारा दत्यार में गत एक वर्ष में ग्राम पंचायत जाबली और कोटी नाभ में जन्मी 52 बेटियों के नाम पर 52 पौधे रोपित कर बालिका सम्मान वाटिका स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि दत्यार को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है और राष्ट्रीय राज मार्ग पर स्थित यह स्थल आने वाले समय में पर्यटकों के लिए प्राकृतिक दृश्यावली का प्रमुख स्थल बन कर उभरेगा। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके निपटारे के निर्देश दिए। वन अरण्यपाल ई. विक्रम ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्ष पूर्ण होने पर हाल ही में 04 स्वर्णिम वाटिकाएं स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि गत 02 वर्षों में सोलन जिला के वन क्षेत्र में 24.29 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। सोलन जिला में अगले 02 वर्षों में जल उपलब्धता की स्थिति में सुधार के उद्देश्य से जल भण्डारण योजना के तहत 10 लाख लीटर से अधिक क्षमता की 03 संरचनाएं निर्मित की जाएंगी। वन मण्डलाधिकरी यशुदीप सिंह ने धन्यावाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए वृक्षारोपण की जापानी पद्धति ‘मियावाकी’ की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि इस तकनीक में पौधों को एक दूसरे के समीप रोपा जाता है ताकि वे सूर्य के प्रकाश के लिए प्रतिस्पर्धा कर कम समय में विकसित हो सकें। प्रदेश में इस तकनीक का प्रयोग पहली बार दत्यार में किया गया है। प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ सोलन के अध्यक्ष सुन्दरम ठाकुर, बीडीसी धर्मपुर के उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, भाजपा मण्डल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, जोगेन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष यशपाल ठाकुर, युवा बोर्ड के निदेशक संजय ठाकुर, भाजपा मण्डल कसौली के उपाध्यक्ष महेन्द्र ठाकुर, ग्राम पंचायत जाबली की प्रधान कल्पना गर्ग, ग्राम पंचायत कोटी-नाभ की प्रधान सन्ध्या देवी, ग्राम पंचायत टकसाल की प्रधान सन्तोष, बीडीसी सदस्य मैना देवी एवं चम्पा ठाकुर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष दौलत राम ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ममता ठाकुर, पूर्व बीडीसी सदस्य करनैल सिंह, ग्राम पंचायत जाबली के पूर्व प्रधान दूनी चन्द, ग्राम पंचायत गढ़खल-सनावर के उप प्रधान विपिन गुप्ता, वन अरण्यपाल ई.विक्रम, वन मण्डलाधिकरी यशुदीप सिंह, उपमण्डलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव धीमान, खण्ड विकास अधिकारी सुभाष अत्री, वन मण्डलाधिकरी सोलन मुख्यालय ए.के. वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र टेगटा, भाजपा तथा भाजयुमो के विभिनन पदाधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
सोलन विकास खण्ड की पँचायत पट्टाबरावरी के निर्माणाधीन बांके बिहारी मंदिर परिसर में 18 जुलाई से 25 जुलाई तक गुरुपूर्णिमा पर्व के उपलक्ष पर श्री बांके बिहारी विश्व मंगलम सेवाधाम के सौजन्य से श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य हरि महाराज अपनी मधुर वाणी से ज्ञान की गंगा का प्रवाह करके कथा स्रोताओं को श्रवण करवा रहे है। कथा के तीसरे दिन हरि महाराज ने भगवान श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं का वर्णन किया । प्रवचन देते हुए आचार्य ने कहा कि मनुष्य को हमेशा सत्य बोलना चाहिये सत्य बोलने से मनुष्य में शक्ति बनी रहती है जबकि झूठा व्यक्ति हर समय कमजोर व डरा हुआ रहता है। उन्होंने सभी स्रोताओं से आवाहन किया कि वह सत्य का मार्ग अपनाए। अगले प्रसंग में आचार्य ने कहा कि संसार मे बढ़ती जा रही कुरीतियों तथा बुराईयों को यदि हम रोक न सके तो संसार को खतरे का सामना करना पड़ सकता है। हरि माहराज ने कहा कि गुरु और शिष्य का आपस मे बहुत गहरा संबंध रहा है गुरु भक्ति ही सबसे श्रेस्ठ तीर्थ है गुरु नाम के जप से मनुष्य के जन्म जन्मांतर के पाप नष्ट हो जाते है गुरु के बिना ज्ञान अधूरा है गुरु की आज्ञा का पालन हर शिष्य को करना चाहिए। विश्वमंगलम सेवाधाम के मीडिया प्रभारी एवम पूर्व पँचायत समिति सदस्य डी डी कश्यप ने जानकारी देते हुए कहा कि भागवत कथा को 25 जुलाई को विश्राम दिया जाएगा। कथा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक है। उन्होंने सभी क्षेत्र वासियों से कथा श्रवण करने की अपील की है।
सोलन : मिड डे मील वर्कर्स यूनियन ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को उपायुक्त के माध्यम से सौंपा ज्ञापन
मंगलवार दिनांक 20 जुलाई, 2021 को मिड डे मील वर्कर्स यूनियन हिमाचल प्रदेश (संबंधित सीटू) जिला कमेटी सोलन ने राज्य स्तरीय आह्वान पर पूरे राज्य भर में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन भेजें। इस मौके पर जिला सोलन में भी सोलन, नालागढ़ व दाड़लाघाट के मिड डे मील वर्कर्स ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपे। इस ज्ञापन के माध्यम से मिड डे मील वर्कर्स ने निम्नलिखित मांगे उठाई:- 1. मिड डे मील वर्करज़ को सरकार द्वारा घोषित 9000रु न्यूनतम वेतन दिया जाए। 2. हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में पार्ट टाईम मल्टी टास्क वर्करज़ की भर्ती में मिड डे मील वर्करज़ को प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति दी जाए। 3. मिड डे मील वर्करज़ की नौकरी से संबंधित 25 बच्चों की शर्त को हटाया जाए। सभी स्कूलों में 2 मिड डे मील वर्करज की नियुक्ती की जाए। 4. मिड डे मील वर्करज़ को सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए। 5. मिड डे मील योजना का किसी भी रूप में निजीकरण न किया जाए। केन्द्रीय रसोईघरों पर रोक लगाई जाए। 6. मिड डे मील योजना में (DBT) योजना पर रोक लगाई जाए। स्कूलों में बच्चों को ताजा पका हुआ भोजन दिया जाए। 7. हिमाचल प्रदेश माननीय उच्च न्यायालय द्वारा मिड डे मील वर्करज़ को 10 महीने के बजाए 12 महीने का वेतन देने के निर्णय को तुरन्त लागू किया जाए। नवम्बर 2019 से एरियर का भुगतान किया जाए। 8. मिड डे मील वर्करज़ को कई बार 3-4 महीने तक वेतन नहीं दिया जाता, मिड डे मील वर्करज़ को प्रतिमाह पहली तारीख को वेतन का भुगतान किया जाए। 9. मिड डे मील वर्करज़ को साल में दो वर्दी दी जाए। 10. मिड डे मील वर्करज़ के लिए आकस्मिक अवकाश, अर्जित अवकाश व मैडिकल अवकाश दिया जाए। 11. मजदूर विरोधी चारों लेबर कोड्स व किसान विरोधी तीनों कृषि कानून वापिस लिए जाए। इस मौके पर सीटू जिला सचिव एनडी रणौत, जिला अध्यक्ष मोहित वर्मा, मिड डे मील वर्कर्स यूनियन अध्यक्षा मीरा कश्यप, सचिव कमलेश सहित कुंता देवी, सुनील शर्मा, सपना ठाकुर, नर्मदा देवी, मीना, कमलेश आदी मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री और अर्की विधायक वीरभद्र सिंह अब नहीं रहे और नतीजन जल्द अर्की निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव होना तय है। अर्की निर्वाचन क्षेत्र की सियासत बेहद रोचक रही है। अतीत पर नजर डाले तो यहां कांग्रेस -भाजपा दोनों को बराबर प्यार मिलता रहा है। वर्ष 1980 में भाजपा की स्थापना हुई थी और उसके बाद से अब तक 9 विधानसभा चुनाव हुए है। इनमें कांग्रेस पांच मर्तबा तो भाजपा ने चार मर्तबा बाजी मारी है। पहले करीब ढाई दशक तक अर्की की सियासत हीरा सिंह पाल और नगीन चंद्र पाल के बीच घूमती रही, तो 1993 में कांग्रेस नेता धर्मपाल ठाकुर के विधायक बनने के बाद अर्की वालों ने उन पर लगातार तीन बार भरोसा जताया। फिर कर्मचारी राजनीति से सियासत में कदम रखने वाले गोविंद राम शर्मा दो बार जीते। पर 2017 के विधानसभा चुनाव में खुद सूबे के मुख्यमंत्री ( तत्कालीन ) वीरभद्र सिंह ने अर्की से मैदान में उतरने का निर्णय लिया और अर्की के विधायक बने। अब वीरभद्र सिंह के निधन के बाद होने वाले उपचुनाव को लेकर कयास और चाहवानों के प्रयास शुरू हो चुके है। असंतोष और अंदरूनी खींचतान की आग दोनों ही राजनीतिक दलों में बराबर लगी है। वर्ष विधायक पार्टी 1967: हीरा सिंह पाल निर्दलीय 1972: हीरा सिंह पाल लोक राज पार्टी 1977: नगीन चंद्र पाल जनता पार्टी 1982: नगीन चंद्र पाल भारतीय जनता पार्टी 1985: हीरा सिंह पाल कांग्रेस 1990: नगीन चंद्र पाल भारतीय जनता पार्टी 1993: धर्मपाल ठाकुर कांग्रेस 1998: धर्मपाल ठाकुर कांग्रेस 2003: धर्मपाल ठाकुर कांग्रेस 2007: गोविन्द राम शर्मा भारतीय जनता पार्टी 2012: गोविन्द राम शर्मा भारतीय जनता पार्टी 2017 : वीरभद्र सिंह कांग्रेस 2007 में कांग्रेस को भारी पड़ी गलती : वर्ष 1993, 1998 और 2003 में कांग्रेस के धर्मपाल ठाकुर लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुके थे। 2003 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और धर्मपाल ठाकुर को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया गया था। वे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी नेताओं में थे। अर्की क्षेत्र में भी उनकी अच्छी पकड़ थी। पर बावजूद इसके 2007 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से बड़ी चूक हो गई और धर्मपाल ठाकुर का टिकट काट दिया गया। कहते है वीरभद्र सिंह इसके पक्षधर नहीं थे, वे धर्मपाल ठाकुर को ही टिकट देने के हिमायती थे। पर कांग्रेस आलाकमान ने वीटो इस्तेमाल करते हुए प्रकाश चंद करड को टिकट थमा दिया। आखिरकार हुआ वो ही जिसका अंदेशा था, हवा - हवाई उम्मीदवार देने का खामियाजा कांग्रेस ने भुगता और पार्टी तीसरे स्थान पर रही। प्रकाश चंद बुरी तरह चुनाव हारे। वहीँ दूसरे स्थान पर रहने वाले थे धर्मपाल ठाकुर जो कांग्रेस से टिकट कटने के बाद बतौर निर्दलीय मैदान में थे। प्रकाश चंद को जहां करीब साढ़े सात हज़ार वोट ही मिले थे वहीँ धर्मपाल ठाकुर को निर्दलीय लड़ने के बावजूद करीब साढ़े चौदह हजार वोट मिले थे। जाहिर सी बात है कि कांग्रेस की इस अंदरूनी लड़ाई का फायदा तब भाजपा को मिला था। माहिर मानते है की अगर कांग्रेस ने धर्मपाल ठाकुर का टिकट नहीं काटा होता तो संभवतः कांग्रेस अर्की में जीत का चौका लगाती। 2012 में बगावत ने बिगाड़े अवस्थी के समीकरण : 2012 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो कांग्रेस ने संजय अवस्थी को उम्मीदवार बनाया था। दरअसल 2008 में धर्मपाल ठाकुर का देहांत हो चूका था और 2007 का चुनाव लड़ चुके प्रकाश चंद भी तब तक खुद को स्थापित नहीं कर पाए थे। ऐसे में पार्टी को एक दमदार चेहरा चाहिए था और संजय अवस्थी पर पार्टी ने भरोसा जताया। पर अंदरूनी खींचतान और बगावत पार्टी को भारी पड़ी। दरअसल उस चुनाव में पार्टी के ही अमर चंद पाल बतौर निर्दलीय मैदान में उतरे और 10 हजार से ज्यादा वोट लेकर कांग्रेस का खेल बिगाड़ दिया। नतीजन संजय अवस्थी करीब दो हजार वोट से चुनाव हार गए, पर तब से संजय अवस्थी ही स्थानीय कांग्रेस का मुख्य चेहरा बने हुए है। 2017 में वीरभद्र ने करवाई वापसी : 2017 विधानसभा चुनाव से कई माह पहले से ही अर्की में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की विशेष मेहरबानी दिखने लगी थी। वीरभद्र सिंह के लगातार दौर और कई सौगातों ने संकेत दे दिए थे कि खुद वीरभद्र सिंह अर्की से मैदान में उतर सकते है। दरअसल वीरभद्र सिंह शिमला ग्रामीण की अपनी सीट से अपने पुत्र विक्रमादित्य सिंह को विधानसभा भेजना चाहते थे। हुआ भी ऐसा ही। उन्होंने विक्रमादित्य के लिए शिमला ग्रामीण सीट छोड़ दी और खुद अर्की से मैदान में उतर गए। जब खुद वीरभद्र सिंह मैदान में थे तो जाहिर सी बात है खुलकर कोई विरोध नहीं हुआ। जैसा अपेक्षित था वीरभद्र सिंह चुनाव जीत गए और दस साल बाद अर्की सीट वापस कांग्रेस के कब्जे में आ गई। पर उनके आने से संजय अवस्थी का इंतज़ार बढ़ गया। 2012 के बाद से ही संजय अवस्थी तैयारी में जुटे थे लेकिन तब उन्हें चुनाव लड़ने का मौका ही नहीं मिला। फिर अवस्थी को मिलेगा टिकट ! वीरभद्र सिंह के निधन के बाद अर्की उपचुनाव जीतना कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल होगा। बहरहाल, यक्ष प्रश्न ये है कि कांग्रेस किसे मैदान में उतारती है। एक पक्ष ये भी है कि वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह अर्की उप चुनाव लड़े। पर वे सक्रीय राजनीति में लौटती है तो उनके मंडी संसदीय चुनाव लड़ने की सम्भवना अधिक है। यदि प्रतिभा सिंह नहीं तो कौन, ये बड़ा सवाल है। जमीनी बात करें तो संजय अवस्थी ही फिलवक्त मजबूत दावेदार लग रहे है। हालांकि राजेंद्र ठाकुर भी स्व. वीरभद्र सिंह से नजदीकी के बुते टिकट की दौड़ में रहेंगे लेकिन अवस्थी के रहते पार्टी उन्हें मौका दे, ऐसा मुश्किल लगता है। जाहिर सी बात है इस तमाम खींचतान में सबको एकजुट रखकर चुनाव लड़ना कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती होने वाली है। दो बार कमल खिलाने वाले गोविन्द राम साइडलाइन : 1993 से 2003 तक अर्की में लगातार तीन चुनाव हारने के बाद भाजपा बैकफुट पर थी। अर्की कांग्रेस का गढ़ बन चूका था और इसे ढहाना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती थी। पर जब कांग्रेस ने सीटिंग विधायक धर्मपाल ठाकुर का टिकट काटा तो भाजपा को वापसी की उम्मीद दिखी। 2007 के चुनाव में भाजपा ने कर्मचारी नेता रहे गोविन्द राम शर्मा को टिकट दिया था और गोविंद राम के चेहरे और कांग्रेस में हावी बगावत के बूते अर्की में भाजपा का वनवास खत्म हुआ। इसके बाद 2012 में चुनाव में भी पार्टी ने गोविन्द राम शर्मा को मैदान में उतारा और वे दूसरी बार चुनाव जीत गए। पर 2017 में भाजपा ने गोविन्द राम शर्मा का टिकट काट कर रतन सिंह पाल को मैदान में उतारा और भाजपा अर्की का चुनाव हार गई। हालांकि अर्की से खुद वीरभद्र सिंह मैदान में थे लेकिन भाजपा के टिकट वितरण को लेकर सवाल उठे। कहते है तब बगावत साधने को भाजपा ने गोविन्द राम शर्मा को आश्वस्त किया था कि सरकार बनने की स्तिथि में उन्हें कोई महत्वपूर्ण पद और ज़िम्मेदारी मिलेगी, पर ऐसा हुआ नहीं। गोविन्द राम शर्मा एक किस्म से साइडलाइन कर दिए गए। वीरभद्र से हारकर भी फायदे में रहे रतन पाल : 2017 में रतन सिंह पाल का मुकाबला खुद वीरभद्र सिंह से था। माना जा रहा था वीरभद्र सिंह आसानी से चुनाव जीतेंगे लेकिन ऐसा हुआ नहीं। उनकी जीत का अंतर करीब छ हजार वोट रहा जो उनके कद के लिहाज से कम था। वहीं वीरभद्र सिंह को टक्कर देने के बाद रतन सिंह पाल एक किस्म से हार कर भी जीत गए। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो उन्हें हिमाचल प्रदेश कोआपरेटिव डेवलपमेंट फेडरेशन का चेयरमैन बनाया गया। संगठन में भी रतन पाल को प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष का दायित्व मिला। कुल मिलाकर रतन सिंह पाल अर्की भाजपा का प्राइम फेस बन गए और अब भी बने हुए है। निकाय चुनाव में खरे नहीं उतरे पाल : इसी वर्ष हुए स्थानीय निकाय चुनाव के टिकट वितरण में रतन सिंह पाल की ही चली। पर जिला परिषद में पार्टी के कई दिग्गजों के टिकट काटने का खामियाजा भाजपा ने भुगता। अंत में इन्हीं दिग्गजों के सहारे जैसे तैसे जिला परिषद् पर भाजपा का कब्ज़ा तो हो गया लेकिन रतन सिंह पाल के खिलाफ खुलकर आवाज उठने लगी। वहीँ अर्की नगर पंचायत चुनाव में भी भाजपा को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। बीडीसी पर भी कांग्रेस का कब्ज़ा रहा। हालांकि ये चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं हुए थे। विरोधी एकजुट नहीं हुए तो रतन पाल की राह आसान : इसमें कोई संशय नहीं है कि वर्तमान में अर्की भाजपा में गुटबाजी चरम पर है। पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा भी अब खुलकर मैदान में है और टिकट की मांग कर रहे है। उनके साथ भाजपा का एक बड़ा गुट दिख रहा है और गोविन्द राम पूरी तरह एक्शन में है। गोविन्द राम के अलावा और भी कई चाहवान है जो टिकट चाहते है। कई ऐसे भी है जो पहले भी विधायक बनने की चाह में बागी बन चुके है। पर जानकार मानते है कि पार्टी का झुकाव फिलवक्त रतन सिंह पाल की तरफ ही दिख रहा है। हां यदि रतन सिंह पाल के विरोधी एकजुट होकर एक चेहरे पर सहमति बना ले तो शायद पार्टी को सोचना पड़े। पर अगर सबकी अपनी डफली अपना राग ही रहा तो टिकट के लिए रतन सिंह पाल की राह आसान होगी।
वीरभद्र सिंह के निधन के बाद क्या उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह उनकी राजनीतिक विरासत को संभालने आगे आएगी ? क्या प्रतिभा सिंह आगामी उपचुनाव से चुनावी राजनीति में कमबैक करेंगी ? अगर प्रतिभा सिंह उपचुनाव लड़ती है, तो क्या वे मंडी संसदीय क्षेत्र का उपचुनाव लड़ेगी या अर्की विधानसभा का उपचुनाव ? फिलवक्त ये वो सवाल है जिनका जवाब सब तलाश रहे है। सबकी नजरें वीरभद्र सिंह के परिवार की तरफ टिकी है, विशेषकर वीरभद्र सिंह के समर्थकों और निष्ठावानों की। हालांकि माहिर मानकर चल रहे है कि आगामी उपचुनाव से प्रतिभा सिंह की सक्रिय राजनीति में वापसी तय है, पर जब तक वीरभद्र सिंह के परिवार का कोई बयान नहीं आता, ये सिर्फ कयास ही है। 1962 में वीरभद्र सिंह पहली बार सांसद बने थे, तब से अब तक बुशहर रियासत की सियासत में भरपूर भागीदारी रही है। सिर्फ आपातकाल के दौरान 1977 से 1980 तक ही ऐसा वक्त आया है जब बुशहर रियासत से कोई संसद या विधानसभा में न रहा हो। इन तीन वर्षों को छोड़ कर खुद वीरभद्र सिंह किसी न किसी सदन का हिस्सा रहे है। वहीं उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह भी मंडी सीट से दो बार सांसद रही है। वर्तमान में वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह भी शिमला ग्रामीण सीट से विधायक है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वीरभद्र सिंह कितने मजबूत नेता रहे है और बुशहर रियासत का लोकतांत्रिक राजनीति में क्या रसूख है। जाहिर सी बात है कि वीरभद्र सिंह के जाने के बाद अब उनके समर्थक चाहेंगे कि उनकी इस पकड़ को बरकरार रखा जा सके। पर अंतिम निर्णय तो वीरभद्र सिंह के परिवार को ही लेना है। अगर कांग्रेस पार्टी के लिहाज से बात करें तो वीरभद्र सिंह के साथ लोगों की सहानुभूति और संवेदनाएं दोनों है और इसी लहर पर सवार होकर कांग्रेस उपचुनाव का रण जीतने की आस में होगी। ऐसे में यदि प्रतिभा सिंह उपचुनाव में मैदान में होती है तो कांग्रेस के लिए जीत की आस और प्रबल होगी। निसंदेह यदि प्रतिभा सिंह इच्छा जताती है तो पार्टी बिना देर लगाएं उनके पीछे खड़ी होगी। मंडी में कैलक्युलेटेड, तो अर्की में हाई रिस्क ! प्रतिभा सिंह यदि चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त करती तो मैदान मंडी संसदीय क्षेत्र होगा या अर्की विधानसभा क्षेत्र, ये यक्ष प्रश्न है। अर्की वीरभद्र सिंह का आखिरी निर्वाचन क्षेत्र रहा है। ऐसे में अर्की उपचुनाव को जीतना कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठता का सवाल होगा। वहीं वीरभद्र सिंह के परिवार के लिए भी ये चुनाव वर्चस्व बरकरार रखने की चुनौती है। उनकी पत्नी और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को अर्की से चुनाव लड़वाने की मांग अभी से जोर पकड़ने लगी है। दरअसल अर्की में कांग्रेस की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है और एक गुट विशेष प्रतिभा सिंह को मैदान में उतारने का पक्षधर है। पर इस स्थिति में वीरभद्र परिवार का सब कुछ दांव पर होगा। खुदा न खास्ता नतीजा प्रतिकूल रहा तो वर्चस्व भी धुंधला जायेगा। वहीं प्रतिभा सिंह यदि मंडी संसदीय क्षेत्र से मैदान में होती है तो उन्हें बुशहर रियासत के दायरे में आने वाले क्षेत्रों से अच्छी सहानुभूति मिल सकती है, विशेषकर रामपुर, किन्नौर, आनी, करसोग और सिराज में। 2014 की मोदी लहर में भी प्रतिभा सिंह मंडी से करीब 40 हजार वोट से ही हारी थी जो अंतर आश्रय शर्मा के उम्मीदवार रहते 2019 में करीब चार लाख पहुंच गया था। ऐसे में सहानुभूति के रथ पर सवार होकर प्रतिभा सिंह 2014 के 40 हजार के अंतर को पाट सकती है। और अगर नतीजा उनके पक्ष में नहीं आता है तो भी उन्हें आश्रय शर्मा की तरह एकतरफा हार मिलेगी, ऐसा नहीं लगता। सो प्रतिभा सिंह के लिए मंडी से चुनाव लड़ना नपातुला जोखिम है। जबकि अर्की का चुनाव मंडी के बनिस्बत छोटा जरूर है पर वहां जोखिम बड़ा होगा।
पौधरोपण वन सरक्षंण ओर पर्यावरण को बचाने में ग्राम पंचायत रौडी के फाउंटेन यूथ क्लब द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। फाउंटेन यूथ क्लब रौडी के सौजन्य से 15 जुलाई 2021 से 18 जुलाई 2021 तक पौध रोपण का अभियान चलाया। इस दौरान देवदार,आंवला व अन्य फलदार पौधे एसीएफ फाउंडेशन के सहयोग से प्राप्त करके जगह जगह रोपण किया गया। क्लब के प्रधान अजय कुमार ने बताया कि भविष्य में भी युवाओं को पर्यावरण के साथ जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान क्लब सदस्यों द्वारा ग्रामवासियों को कोरोना कोविड-19 से बचाव के नियमों के बारे में बताया,अथवा उनसे इन नियमों का पालन करने हेतु आग्रह किया। इस मौके पर क्लब के युवाओं ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। क्लब का सहयोग एसीएफ,ग्राम पंचायत प्रधान रौडी व अन्य बड़े बुजुर्गो द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्लब प्रधान अजय कुमार,कोषाध्यक्ष विनय शर्मा,तरुण,तनुज,प्रदीप,अरुण,कमल,राहुल,निखिल,हरीश,नवीन,सनी,राकेश सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
बाहरा विश्वविद्यालय में ‘कीप हिमाचल क्लीन एण्ड ग्रीन’ कार्यक्रम का शुभारम्भ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रकृति और मानव का सम्बन्ध शाश्वत है तथा प्रकृति के संरक्षण में ही पृथ्वी की रक्षा निहित है। डॉ. सैजल सोमवार को सोलन जिला के कण्डाघाट स्थित बाहरा विश्वविद्यालय में ‘कीप हिमाचल क्लीन एण्ड ग्रीन’ कार्यक्रम का शुभारम्भ करने के उपरान्त उपस्थित अध्यापकों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर विज्ञान तथा गणित के अध्यापकों के लिए आयोजित दो दिवसीय क्षमता उन्नयन कार्यशाला का शुभारम्भ भी किया। उन्होंने इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट के अध्यापक तेजेन्द्र शर्मा तथा जिला विज्ञान पर्यवेक्षक सोलन अमरीश शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ‘वाईब्रेन्ट साईंस क्विज’ का विमोचन भी किया। यह पुस्तक छठी कक्षा से 12वीं कक्षा के छात्रों को प्रशनोत्तरी प्रतियोगिताओं की तैयारी में सहायता प्रदान करेगी। डॉ. सैजल ने कहा कि प्राचीन काल से ही मनुष्य प्रकृति से सीख लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की दौड़ में हम सभी को यह स्मरण रखना होगा कि प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा कर ही सुखद भविष्य की नींव रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रकृति को संरक्षित रख कर ही बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित धरा प्रदान की जा सकती है। आयुष मन्त्री ने कहा कि हमें वृक्षों के जीवनदायी पक्ष को समझना होगा और भावी पीढ़ी को यह समझाना होगा कि सभी वृक्षों में औषधीय गुण होते हैं और इनके वैज्ञानिक दोहन से ही आर्थिकी को सुदृढ़ करने में सहायता मिल सकती है। उन्होंने कहा कि ‘कीप हिमाचल क्लीन एण्ड ग्रीन’ कार्यक्रम एक वर्ष तक प्रदेश में कार्यान्वित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रदेश वासियों एवं पर्यटकों को हिमाचल को स्वच्छ रखने एवं प्रदेश के अनुपम सौन्दर्य को संरक्षित रखने के लिए जागरूक बनाया जाएगा। प्रदेश की विभिन्न ग्राम पंचायतों में अभियान के तहत पौधरोपण अभियान भी कार्यान्वित किया जाएगा। विज्ञान तथा गणित के अध्यापकों के लिए आयोजित दो दिवसीय क्षमता उन्नयन कार्यशाला का शुभारम्भ करते हुए उन्होंने अध्यापकों का आह्वान किया कि नई शिक्षा नीति का अनुसरण करते हुए छात्रों के व्यक्तित्व को पल्लवित एवं पोषित करने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अध्यापन की नई विधाएं विकसित हो रही हैं और इनकी जानकारी छात्रों को बेहतर सीख प्रदान करने में सहायक हो सकती है। डॉ. सैजल ने कहा कि शिक्षा, प्राचीन को नवीन से जोड़ने में सहायक होनी चाहिए ताकि युवा पीढ़ी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जानकारी प्राप्त कर देश को विश्व अग्रणी बनाने की दिशा में सहायक बने। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 से बचाव के लिए यदि हम सही प्रकार से नाक से लेकर ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनें, बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से धोते रहें और सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें तो निश्चित तौर पर कोरोना संक्रमण से सभी का बचाव किया जा सकता है। इस अवसर पर आविष्कार फाऊंडेशन पालमपुर की संध्या गुप्ता ने ‘गणित विषय को कैसे रोचक बनाया जा सकता है’ विषय पर सारगर्भित जानकारी प्रदान की। बाहरा विश्वविद्यालय के कुलपति गुरविन्दर सिंह बाहरा, उप कुलपति प्रो. बी.एस. नागेन्द्र पराशर, कुल सचिव विनीत कुमार, निदेशक अनुराग अवस्थी, उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा शिमला भाग चन्द चौहान, उप निदेशक उच्च शिक्षा शिमला अशोक शर्मा, उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन रोशन जसवाल, जिला परियोजना अधिकारी चन्द्रमोहन शर्मा, तहसीलदार कण्डाघाट अमन राणा, अध्यापक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 17 जुलाई , 2021 को ऑनलाइन श्लोकोच्चारण एवं गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों ऋग्वेद सदन, यजुर्वेद सदन, सामवेद सदन तथा अथर्ववेद सदन के कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। डॉ० गिरिराज गौतम(संस्कृत अध्यापक ), राखी शर्मा(संस्कृत अध्यापिका) तथा सुनीता ठाकुर (उप प्रधानाचार्या) ने निर्णायक मंडल के सदस्यों की भूमिका निभाई। चारों सदनों के छात्रों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया प्रवीणा झा ने प्रतियोगिता के विजयी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सब उनकी तथा उनके अध्यापकों की मेहनत का ही नतीजा है, जिस कारण सभी छात्र इतनी अच्छी तरह से श्लोकों का उच्चारण तथा गायन कर सकें। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने छात्रों तथा अध्यापकों के अथक प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार है:- प्रथम स्थान:- रेवा राजपूत (अथर्ववेद सदन) द्वितीय स्थान :- हिमांशी शर्मा (सामवेद सदन) तृतीय स्थान :- आकर्षक चौधरी (यजुर्वेद सदन)
सावन महीने के जेष्ठ सोमवार को कुनिहार जनपद के शिवालयों में शिव भक्तो की भारी भीड़ रही। कुनिहार क्षेत्र की प्रसिद्ध प्राचीन शिव तांडव गुफा में श्रद्धालु सुबह से ही स्वयं भू शिवलिंग के दर्शनार्थ पहुंचे और दोपहर से शाम तक सैंकड़ो शिव भक्तो ने पवित्र गुफा में अपने आराध्य देव की पूजा अर्चना कर शीश नवां कर भोले शंकर का आशीर्वाद लिया। रविवार से समिति व शम्भू परिवार के सौजन्य से गुफा में चल रही दो दिवसीय श्री रामचरित मानस कथा को हवन व पूर्णाहुति के साथ विराम दिया गया। समिति के प्रधान रामरत्न ने बताया कि गुफा में प्रशासन के सभी दिशा निर्देशों का पालन किया जा रहा है और भक्तों से भी मास्क सैनिटाइजर व उचित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। इस अवसर पर समिति उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर, सचिव गोपाल कृष्ण शर्मा, गुमान, हेमन्त शर्मा, साहिल ठाकुर, मनु भारद्वाज सहित समस्त समिति व शम्भू परिवार के सदस्य मौजूद रहे।वन्ही सावन महीने में शिव पूजन की महत्ता पर कुनिहार के ज्योतिषाचार्य कामेश्वर शर्मा ने बातचीत में बताया कि सावन माह के सभी सोमवार के व्रत पूरे साल में लिए गए व्रतों के बराबर फलदायक है। सावन महीने मे शुद्ध अन्तःकरण मन से शिव पूजन करने से प्रत्येक मनोकामना पूरी हो जाती है। उन्होंने संक्रांति के पश्चात सावन माह में शिव पूजन मन वांछित फल दायक होता है। इस महीने में भगवान भोले शंकर को दूध, दन्ही, घी, माखन, गंगाजल, बिल्व पत्र, आक व धतूरा आदि चढ़ा कर विधि पूर्वक पूजा करनी चाहिए। ज्योतिषाचार्य ने विशेष बातचीत में बताया कि सावन माह के सभी सोमवार भोले शंकर की भक्ति, उपासना, जलाभिषेक के लिए सर्वोत्तम माने जाते है और कुनिहार वासियों को आशीर्वाद देने के लिए तो खूबसूरत शिव तांडव गुफा में स्वयं भू भोले नाथ विशाल पिंडी के रूप में स्वयं विराजमान है।
प्रदेश में हाेने वाले चार उपचुनावाें के लिए भाजपा ने पहले ही तैयारियां शुरु कर दी है। इसी तर्ज पर अब संगठन का फाेकस अर्की विधानसभा क्षेत्र हाेगा। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह विधायक रहे। अब उनके निधन से यहां भी उपचुनाव हाेना हैं। इसके मद्देनजर भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना कल यानी 20 जुलाई को अर्की मंडल की होने जा रही मंडल की बैठक के समापन सत्र को दोपहर 2 बजे संबोधित करने जा रहे हैं। यह बैठक अर्की स्थित गाै सदन में होगी। भाजपा प्रभारी कल चंडीगढ़ से 11 बजे अर्की के लिए आगमन करेंगे और बैठक को संबोधित करने के बाद वापस चंडीगढ़ जाएंगे।
गत रविवार को कुनिहार में प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षा शिक्षक( पीईटी) संघ जिला सोलन की बैठक का आयोजन किया गयाl जिसमें संघ की विभिन्न मांगों पर विचार विमर्श किया गयाl इसके बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए संघ के प्रधान यतेंद्र पाल ने बताया कि वर्तमान हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 7 अक्टूबर 2018 को शारीरिक शिक्षा शिक्षकों के 2000 पदों को भरने की घोषणा की गई थी परंतु उसको आज तक भी अमल में नहीं लाया गया है l यह केवल मात्र घोषणा बनकर रह गई हैl वर्तमान प्रदेश सरकार शिक्षा विभाग के बाकी सभी वर्गों के पदों को समय-समय पर भर रही है, लेकिन शारीरिक शिक्षकों एवं कला अध्यापकों के एक पद भी भरने की घोषणा नहीं की गई हैl अभी पीछे कुछ महीने पहले प्रदेश सरकार ने पीईटी एवं कला अध्यापकों के 500 - 500 पदों को भरने की घोषणा की थी, जिसके बारे में अभी भी संशय की स्थिति बनी हुई है कि सरकार इसे भरेगी या नहीं भरेगी या केवल मात्र घोषणा बन कर रह जाएगीl प्रदेश सरकार के इस प्रकार के उपेक्षा पूर्ण रवैया से प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैंl जिला संघ का प्रतिनिधिमंडल एवं राज्य स्तर का प्रतिनिधिमंडल जिला स्तर एवं राज्य स्तर पर भी मुख्यमंत्री एवं सरकार के अन्य मंत्रियों के अलावा शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों के समक्ष अपनी प्रमुख मांगों को समय-समय पर रखता है परंतु सरकार की तरफ से अभी तक मात्र आश्वासन ही मिले है। अभी तक इसे व्यवहारिक अमलीजामा नहीं पहनाया गया है l बेरोजगार प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक संघ सोलन के सभी सदस्य सरकार से पुरजोर मांग करते हैं कि सारे शिक्षकों के 2000 पद भरने की घोषणा की थी उसे व्यवहारिक अमलीजामा पहनाया जाए l आज सरकारी स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हुए हैं, ऐसे परिवेश में केंद्र सरकार एवं प्रधानमंत्री मोदी की खेलो भारत मुहिम एवं फिट इंडिया मुहिम को कैसे व्यवहारिक अमलीजामा पहनाया जाएगा l अब तो राज्य सरकार और केंद्र सरकार से वैसे भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए और उम्मीद बन जाती है कि अभी हाल ही में केंद्र सरकार में अनुराग सिंह ठाकुर को युवा एवं खेल मंत्रालय दिया गया है, ऐसे उपयुक्त समय में प्रदेश स्तर पर शारीरिक शिक्षा एवं शिक्षकों की अवहेलना नहीं होनी चाहिए क्योंकि अभी तक का यही अनुभव बताता है की शारीरिक शिक्षा और शारीरिक शिक्षकों की उपेक्षा निरंतर प्रदेश स्तर पर होती आई है, साथ ही स्कूलों में विद्यार्थियों का बहुआयामी व्यक्तित्व का विकास बिना शारीरिक शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षकों के बिना संभव होगा, यह सभी बातें समझ से परे हैं l संघ सरकार से मांग करता है कि हिमाचल प्रदेश में भी शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद को अनिवार्य विषय के रूप में स्कूली पाठ्यक्रम में लागू किया जाए ताकि हिमाचल के प्रतिभावान खिलाड़ी भी दूसरे राज्यों के तरह खेलों में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके l इसी के साथ संघ प्रदेश सरकार के साथ पुरजोर मांग रखती है कि सरकारी स्कूलों में योगा विषय को अनिवार्य विषय के रूप में सम्मिलित किया जाए और योगा अध्यापक एवं प्रशिक्षक के रूप में रोजगार शारीरिक शिक्षकों को प्राथमिकता दें l आज यह बहुत दुख का विषय है कि लाखों रुपए खर्च करने के बाद युवा बेरोजगार होकर घर में बैठे हुए हैं और अधिकांश युवा निर्धारित आयु 45 वर्ष को पार करके 50 की उम्र पार कर चुके हैं और आज भी वे वर्तमान प्रदेश सरकार से रोजगार की राह देख रहे हैं। साथ ही हजारों युवा विभिन्न विश्वविद्यालयों से शारीरिक शिक्षा में डिग्री एवं डिप्लोमा में शिक्षण एवं प्रशिक्षण ले रहे हैं, उन्हें भी इस क्षेत्र में अब अपना भविष्य अंधकार में दिख रहा है l बेरोजगार प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक संघ जिला सोलन सरकार से मांग करता है कि आगामी कैबिनेट की मीटिंग में प्रदेश सरकार शारीरिक शिक्षकों के अधिक से अधिक पद भरने की अधिसूचना जारी करें l जिससे शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों का भविष्य उज्जवल हो सके l इसी के साथ यदि सरकार ने इस विषय पर गंभीरता पूर्वक विचार नहीं किया तो आने वाले उपचुनाव एवं अगले वर्ष होने वाले विधानसभा के चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा l इस अवसर पर संघ के उप प्रधान धर्मपाल, महासचिव राजेंद्र कुमार, सह सचिव सतवीर सिंह, कोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार, सह कोषाध्यक्ष धनपाल, इंद्र सिंह, नरेश कुमार, हीरा दत शर्मा, रोशन लाल, दलजीत सिंह, राकेश कुमार, कृपाराम, सुधीर कुमार, पंकज, राजकुमार, सुरेंद्र सिंह, संतराज भी इस अवसर पर उपस्थित रहे l
जिला सोलन के सोलन शहर में मीट बिक्रेताओं द्वारा मीट को अधिक मूल्य में बेचा जा रहा है। गौर रहे कि यंहा पर बीते चन्द दिनों पहले जिला उपायुक्त सोलन द्वरा हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवम मुनाफाखोरी रोकथाम आदेश 1977 के अंतर्गत प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्होंने निर्धारित मूल्य की सूची जारी की है। लेकिन बावजूद इसके मीट बिक्रेता लोगो से अधिक मूल्य बसूल रहे है। निर्धारित मूल्य की यदि बात की जाए तो यंहा पर बकरे का मूल्य 450 रुपए प्रति किलो जबकि ड्रेस चिकन व बॉयलर चिकन 200 रुपए प्रति किलो है। लेकिन मीट बिक्रेताओं द्वारा इन निर्धारित मूल्य की धज्जियां उड़ाकर बकरे का मीट 500 रुपए तो चिकन 250 रुपए प्रति किलो बेचा जा रहा है। दुकान के आगे कोई भी रेट लिस्ट नही है। जिससे आम जन मानस को इन बिक्रेताओं द्वारा सरेआम ठगा जा रहा है। मीट मार्किट सोलन ऐसोशियन कमल हंस ने बताया कि यंहा पर बिक्रेताओं का कहना है कि हमे अभी कोई भी प्रशासनिक अधिकारियों द्वरा निर्धारित मूल्य की सूचना नही मिली है व न ही हमे कोई जारी रेट लिस्ट दी गई है। उन्होंने बताया कि न्यूज़ पेपर में ही उन्हें जारी मूल्य का पता चला है। जिससे लोग हमें परेशान कर रहै है। उनका कहना है कि हमे आगे से ही बकरा 480 रुपए प्रति किलो की खरीद हो रही है। जिससे हमें मात्र किलो में 20 रुपए का मुनाफा हो रहा है। उन्होंने बताया कि सोलन शहर में मीट बिक्रेताओं की लगभग 20 या 30 दुकाने है। लेकिन हमें आगे से ही अधिक खरीद होने पर मीट को 500 रुपए बेचने में बिवश होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस बिषय को लेकर हम जिला उपायुक्त सोलन से अपनी मांग रखेंगी। उधर इस समंध में जिला उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने बताया कि यदि मीट विक्रेताओं द्वारा जारी मूल्य से अधिक रेट लोगो से वसूले जा रहे है तो जरूर प्रशासनिक कायर्वाही अमल में लाई जाएगी।


















































