वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्वालामुखी में एनएसएस यूनिट द्वारा पोस्टर मेंकिंग, नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एनएसएस प्रभारी राजेश कुमार एवं आरती शर्मा ने बताया कि नशा निवारण अभियान के तहत बाल स्कूल ज्वालामुखी में पिछले कई दिनों से ये अभियान चला हुआ है। इस के अंतर्गत रैली, पोस्टर मेंकिंग, नारा लेखन, स्किट, भाषण प्रतियोगिता करवाई जा रही है। स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य यशपाल नरोत्रा ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और स्वयंसेवियों से आग्रह किया कि वो लोगों को भी इसके बारे में जागरूक करे।उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए पोस्टरों का भी अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि एनएसएस यूनिट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्वालामुखी समय समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करते रहते है। इस मौके पर नशा निवारण कमेटी के प्रभारी विकास धीमान और स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
शिमला शहर के चलौंठी क्षेत्र में फोरलेन निर्माण कार्य से प्रभावित सड़क एवं घरों को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त शिमला को उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला (ग्रामीण) और राज्य भूवैज्ञानिक, हिमाचल प्रदेश, शिमला द्वारा चलौंठी के पास स्थित घरों के संबंध में प्रस्तुत क्षति मूल्यांकन रिपोर्ट सौंप दी है। इस रिपोर्ट के अनुसार निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। इसमें एक घर को 'न रहने योग्य' घोषित किया गया है, दूसरे को अस्थायी रूप से असुरक्षित आंका गया है और शेष घर निगरानी में हैं। उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रतिनिधि को मुआवजे की स्थिति के बारे में अवगत कराने का निर्देश दिया। इसके जवाब में प्रतिनिधि ने सूचित किया कि जिला प्रशासन से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हो गए हैं और उन्हें रियासतग्राही (कंसेसियनार) को भेज दिया गया है, जिन्होंने बाद में उन्हें बीमा कंपनी को जमा कर दिया है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर इस बारे में सारी कार्रवाई पूर्ण करें और की गई कार्रवाई की जानकारी उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला (ग्रामीण) को दें। उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रतिनिधि को चलौंठी में प्रभावितों के घरों में किए जा रहे मरम्मत कार्य को लेकर मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तृत रिपोर्ट ली। इसके अनुसार भारत कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने सूचित किया कि दरारों को भरने का कार्य प्रगति पर था। हालांकि, स्थानीय निवासियों के अनुरोध पर बर्फबारी के कारण इसे अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। मौसम ठीक होते ही काम फिर से शुरू कर दिया जाएगा। अनुपम कश्यप ने निर्देश दिया है कि दरारों को एक महीने के भीतर भरा जाए और स्पेक्ट्रोमीटर द्वारा दर्शाए गए चेतावनी संकेतों की भी जांच की जाए। इसके साथ ही इसकी रिपोर्ट तुरंत उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला (ग्रामीण) को दी जाए। वर्तमान में किसान भवन ढली में कोई नहीं रह रहा है। हालांकि, रियायतग्राहियों (कंसेसियनार) द्वारा 06 प्रभावित परिवारों को किराए के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों के भीतर रेंट एग्रीमेंट और संबंधित दस्तावेजों की प्रति उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला (ग्रामीण) को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि सभी मुद्दों और उनके उपायों के बारे में नियमित आधार पर एसडीएम ग्रामीण को सूचित किया जाना चाहिए। इस दौरान बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्योति राणा, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा सहित अन्य हितधारक मौजूद रहे।
आई.टी.आई. नैहरनपुखर में एक बार फिर युवाओं को रोजगार का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। आगामी 09 फरवरी 2026 को एल एंड टी स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, दिल्ली, वल्लभ एयर कंडीशनर, जालंधर एवं ए.आर. इंटरप्राइजेज द्वारा आई.टी.आई. नैहरनपुखर में लिखित परीक्षा एवं कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से युवाओं का चयन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में स्कूल पासआउट एवं एन.सी.वी.टी., एस.सी.वी.टी. से फिटर, टर्नर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मशीनिस्ट, टूल एंड डाई मेकर, मैकेनिक ट्रैक्टर, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक मोटर व्हीकल, मैकेनिक इलेक्ट्रॉनिक्स, कोपा, कारपेंटर, ऑटो इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर,आर० ए० सी० सहित अन्य सभी आईटीआई ट्रेडों में कोर्स पूर्ण कर चुके सभी पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी पात्र होंगे। कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षुता (Apprenticeship) प्रशिक्षण हेतु अप्रेंटिसशिप एक्ट के अनुसार निर्धारित मानदेय प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी आई.टी.आई. नैहरनपुखर के प्रधानाचार्य ने देते हुए सभी आई.टी.आई. पास-आउट प्रशिक्षुओं से अपील की है कि वे इस मेले में बढ़-चढ़कर भाग लें। अधिक जानकारी के लिए संस्थान के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर से दूरभाष नंबर 01970-292604, 8580668488 पर संपर्क किया जा सकता है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुम्मर की एनएसएस इकाई द्वारा नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति के संदेश देते हुए नारे लगाए और आम जनता को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता तथा पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यालय प्रधानाचार्य जोगिंदर कुमार ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं इस कार्यक्रम में एन एस एस प्रभारी शिव राम, रीना देवी व विद्यालय के समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।
पुलिस थाना सोलन कि टीम द्वारा दिनांक 03-02-2026 को एक भगोड़े आरोपी संतोष कुमार उर्फ़ रिंकू पुत्र भीम सिंह निवासी गाँव लावनधार, डाकखाना मंझोली, तहसील कुपवी जिला शिमला हि०प्र० उम्र 27 वर्ष हॉल रिहाईश गाँव डमरोग तहसील व जिला सोलन हि०प्र० को गिरफ्तार किया गया I उल्लेखनीय है दिनांक 20-08-2019 को पुलिस थाना सदर सोलन की पुलिस टीम द्वारा उक्त आरोपी को 18.82 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था I जिस पर पुलिस थाना सदर सोलन में अभियोग संख्या 172/2019 दिनांक 20-08-2019 धारा 21 NDPS Act के तहत पंजीकृत किया गया था I इस अभियोग के अन्वेषण के दौरान आरोपी के विरुद्ध आरोपपत्र तैयार करके न्यायालय में प्रेषित किया गया था I आरोपी न्यायालय से जमानत मुचलका पर रिहा था I उक्त मामले के ट्रायल/विचारण के दौरान आरोपी संतोष कुमार उर्फ़ रिंकू को न्यायालय द्वारा बार-बार पेश होने के आदेश दिए जा रहे थे, परंतु इसके बावजूद वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। परिणामस्वरूप न्यायालय द्वारा उसे दिनांक 03-03-2025 को भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था। उक्त भगोड़े आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस थाना सदर सोलन की टीम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे थे, जो आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था परंतु गुप्त सूचना एवं सतत निगरानी के आधार पर अंततः उसे दिनांक 03-02-2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त भगोड़े आरोपी को आज दिनांक 04-02-2026 को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। सरसरी जाँच के दौरान यह भी पाया गया की यह आरोपी पहले भी अपराधिक वारदातों में संलिप्त रहा है जिसके विरुद्ध थाना सदर सोलन में चोरी के 02 मामले पंजीकृत पाए गए है जिसमे उसने 02 कारें चोरी की थी जिनकी कीमत लगभग 4,30,000/- रूपए थी I इसके अतिरिक्त इसके अन्य अपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है I मामले में जांच जारी है ।
आम आदमी पार्टी, हिमाचल प्रदेश इकाई केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश की आर्थिक घेराबंदी किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा करती है। केंद्र सरकार ने 16वें वित्त आयोग में अनुमानित 49,000 करोड़ रुपए की राज्य को उसके जायज़ हक की मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान राशि को पूरी तरह समाप्त कर हिमाचल की पीठ में छुरा घोंपा है। यह न केवल संघीय ढांचे का अपमान है, बल्कि पहाड़ की जनता के अस्तित्व पर सीधा प्रहार है। प्रेस के नाम जारी एक विज्ञप्ति में आम आदमी पार्टी के राज्य समन्वय समिति के सदस्य व कांगड़ा जिला के मीडिया प्रभारी कल्याण भंडारी ने भाजपा की केंद्र सरकार से सवाल किया है कि मैदानी राज्यों के लिए केंद्र की तिजोरी हमेशा खुली रहती है, लेकिन हिमाचल की बिजली, पानी और संसाधनों के बदले हमें आज भी ‘ठेंगा’ क्यों दिखाया जा रहा है? शानन विद्युत परियोजना और पंजाब पुनर्गठन के समय से चले आ रहे हमारे अधिकारों को भाजपा ने दिल्ली की सत्ता के अहंकार में रौंद दिया है। केंद्र सरकार ने हिमाचल की आर्थिक हजामत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। वर्ष 2023 की आपदा में प्रदेश में भयंकर तबाही की नाममात्र आर्थिक राहत को दो साल बाद जारी किया। 2025 की पहले से ज्यादा प्रलयकारी आपदा से मिले जख्मों को भरने के लिए अब तक केंद्र सरकार रहस्यमयी चुप्पी साधे हुए है, जो कि आम जनमानस की समझ से परे है। आम आदमी पार्टी सूबे की कांग्रेस सरकार को प्रशासनिक अक्षमता और लाचारी के चलते इस आर्थिक बदहाली का बराबर जिम्मेदार मानती है, जो कि कांग्रेस सरकार की दिशाहीनता भी है। भंडारी ने कहा कि आँचल फैलाने से राज्य नहीं चलते। सरकार एक तरफ खजाना खाली होने का रोना रोती है, और दूसरी तरफ फिजूलखर्ची के कूड़ेदान भरने में लगी है। आम आदमी पार्टी मांग करती है कि सरकार अपनी प्राथमिकताएं बदले और चादर देखकर पैर पसारना शुरू करे। जब तक प्रदेश के घाटे में चल रहे सफेद हाथी रूपी उपक्रम ताली बजाते रहेंगे, तब तक आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ता रहेगा। ऐसे में प्रदेश सरकार फिजूलखर्ची बंद कर आम जनमानस को राहत देने वाले आर्थिक मॉडल पर काम करे। कल्याण भंडारी ने जहाँ राज्य सरकार के केंद्र सरकार के आर्थिक प्रहार के संबंध में कैबिनेट बैठक और एक दिवसीय विधानसभा सत्र आयोजित करने के कदम का स्वागत किया है, वहीं इस बाबत सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हिमाचल की जनता को विश्वास दिलाती है कि हम पहाड़ के हक की लड़ाई लड़ेंगे। जल-जंगल-जमीन का मोल केंद्र को चुकाना ही होगा। पार्टी केंद्र सरकार से तत्काल रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट की कटौती वापस लेने तथा शानन प्रोजेक्ट और वाटर सेस जैसे मुद्दों पर हिमाचल को उसका वाजिब अदा करने की पुरज़ोर मांग करती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की अस्मिता से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉ. हर्ष महाजन ने राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार द्वारा जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं में दी गई वित्तीय सहायता एवं उसके उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। सांसद महाजन के प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने सदन में स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को जल जीवन मिशन, बाढ़ प्रबंधन, कमांड एरिया विकास और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाओं के अंतर्गत बड़े स्तर पर वित्तीय सहायता प्रदान की है। उत्तर में बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत हिमाचल को वर्ष 2022-23 में कुल उपलब्ध राशि ₹2163.83 करोड़ रही, जिसमें से ₹1615.65 करोड़ का व्यय किया गया। वर्ष 2023-24 में कुल उपलब्ध राशि ₹950.52 करोड़ रही और ₹859.96 करोड़ खर्च किए गए। वहीं 2024-25 में ₹228.04 करोड़ उपलब्ध हुए और ₹189.20 करोड़ का व्यय दर्ज किया गया। इससे स्पष्ट है कि केंद्र सरकार लगातार हिमाचल को जल आपूर्ति व ग्रामीण विकास के लिए मजबूत सहायता दे रही है। इसके अतिरिक्त फ्लड मैनेजमेंट एंड बॉर्डर एरियाज प्रोग्राम के अंतर्गत वर्ष 2023-24 में हिमाचल को ₹30.16 करोड़ की केंद्रीय सहायता जारी की गई, जिसके उपयोगिता प्रमाणपत्र भी राज्य सरकार द्वारा जमा करवाए गए हैं। साथ ही मॉडर्नाइजेशन ऑफ़ कमांड एरिया डेवलपमेंट एंड वाटर मैनेजमेंट योजना में वर्ष 2025-26 के लिए ऊना जिले के हरोली ब्लॉक में परियोजना हेतु ₹4.37 करोड़ जारी किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री के उत्तर में यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को पिछले वर्षों में कुल ₹450.56 करोड़ की केंद्रीय सहायता जारी की गई है। इनमें वर्ष 2023-24 में ₹142.30 करोड़, वर्ष 2024-25 में ₹113.00 करोड़ तथा 2025-26 (जनवरी 2026 तक) में ₹154.76 करोड़ शामिल हैं। राज्यसभा सांसद डॉ. हर्ष महाजन ने कहा कि राज्यसभा में रखे गए ये तथ्य कांग्रेस सरकार के उस झूठे प्रचार को पूरी तरह उजागर करते हैं जिसमें बार-बार कहा जाता है कि केंद्र से हिमाचल को पैसा नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार वित्तीय सहयोग कर रही है और राज्य सरकार को चाहिए कि इन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू कर जनता को लाभ पहुंचाए। डॉ. महाजन ने यह भी बताया कि जल शक्ति विभाग द्वारा पीएमकेएसवाई के अंतर्गत कुल 9 उपयोगिता प्रमाणपत्र केंद्र सरकार को जमा करवाए गए हैं, जो यह दर्शाता है कि धन जारी भी हुआ है और उसके उपयोग की प्रक्रिया भी चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी देवभूमि को हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी।
सोने की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच ग्राहकों को राहत देने और भविष्य की बेहतर योजना का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से वर्मा ज्वैलर्स ने 25% अग्रिम स्वर्ण बुकिंग योजना की शुरुआत की है। यह योजना 1 फरवरी से 15 फरवरी तक विशेष अभियान के रूप में संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत ग्राहक केवल 25 प्रतिशत राशि अग्रिम जमा कर वर्तमान स्वर्ण दर को 90 दिनों के लिए लॉक कर सकते हैं। इन 90 दिनों के भीतर ग्राहक किसी भी समय अपनी पसंद के आभूषण बनवा या खरीद सकते हैं, वह भी सोने की कीमत बढ़ने की चिंता किए बिना। वर्मा ज्वैलर्स के अनुसार, स्वर्ण केवल आभूषण नहीं बल्कि पारिवारिक विश्वास, सुरक्षा और दीर्घकालिक योजना का प्रतीक है। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए यह योजना तैयार की गई है, ताकि ग्राहक समय रहते निर्णय लेकर आर्थिक रूप से निश्चिंत रह सकें। कंपनी वर्षों से विश्वास, पारदर्शिता और शुद्धता के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। इस अग्रिम स्वर्ण बुकिंग योजना के अंतर्गत भी ग्राहकों को हॉलमार्क युक्त स्वर्ण और पूर्ण पारदर्शिता का आश्वासन दिया जा रहा है। यह योजना विशेष रूप से उन परिवारों के लिए लाभकारी है जो विवाह या अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए पहले से स्वर्ण खरीद की योजना बना रहे हैं। यह योजना केवल निवेशकों तक सीमित न होकर सामान्य परिवारों और नियमित ग्राहकों के लिए भी सरल और सुलभ बनाई गई है। 25% अग्रिम स्वर्ण बुकिंग योजना (90 दिनों की वैधता के साथ) सोलन, रोहड़ू तथा वर्मा ज्वैलर्स द्वारा आयोजित सभी स्वर्ण आभूषण प्रदर्शनियों में मान्य रहेगी। वर्मा ज्वैलर्स का उद्देश्य केवल आभूषण बेचना नहीं, बल्कि ग्राहकों को सुरक्षित, तनाव-मुक्त और समझदारी भरा स्वर्ण खरीद अनुभव प्रदान करना है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए देर रात औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखी और मौके पर ही कड़े कदम उठाए। जानकारी के अनुसार, एसपी ने बुधवार तड़के करीब दो बजे के बाद परवाणु, धर्मपुर और सोलन के सदर थाना क्षेत्रों में अचानक दबिश दी। इस दौरान पांच पुलिसकर्मी और चार होमगार्ड जवान ड्यूटी में लापरवाही बरतते पाए गए। बताया जा रहा है कि देर रात के समय नाकाबंदी में ढिलाई की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते एसपी ने जानबूझकर रात्रि निरीक्षण की रणनीति बनाई। निरीक्षण में कोताही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल, एक एचएचसी (HHC) और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया, जबकि एक अन्य हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया। इसके अलावा चार होमगार्ड जवानों को बटालियन वापस भेजते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी करीब दो सप्ताह पूर्व ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक एएसआई को निलंबित किया जा चुका है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि सोलन पुलिस में अनुशासन से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसपी गौरव सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि धर्मपुर और परवाणु जैसे थाने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है, जहां सुरक्षा में छोटी सी चूक भी गंभीर परिणाम ला सकती है।
हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच सोमवार दोपहर करीब 12 बजे किन्नौर के रिब्बा गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में, किन्नौर कैलाश पर्वत के नीचे हिमस्खलन हुआ। हिमस्खलन नाले में गिरने के कारण जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा इतना अचानक था कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। जैसे ही बर्फ का पहाड़ नीचे गिरा, पूरा इलाका सफेद धुंध की चादर में लिपट गया और तेज बर्फीली हवाओं ने रिब्बा के बाशिंदों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। फिलहाल किसी तरह की संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना ने घाटी में डर का माहौल पैदा कर दिया है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो खतरा अभी टला नहीं है। अगले 24 घंटों के लिए एक गंभीर चेतावनी जारी की गई है। 3000 मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फ की परतें अब बेहद कच्ची और अस्थिर हो चुकी हैं। किन्नौर के अलावा लाहौल-स्पीति और चंबा के दुर्गम इलाकों पर भी हिमस्खलन की तलवार लटक रही है। वहीं खतरे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए जारी परामर्श में स्पष्ट कहा गया है कि गैर-जरूरी सफर से बचें, ऊंचाई वाले रास्तों और बर्फीले ढलानों की ओर बिल्कुल न जाएं। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोग मौसम की पल-पल की अपडेट रखें।
दिनांक 31-01-2026 को पुलिस थाना परवाणू की एक टीम द्वारा गश्त के दौरान हिमुडा ग्राउंड, परवाणू के समीप मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7.34 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। आरोपी युवकों में से एक की पहचान आर्यन पुत्र राजेश कुमार, निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी, पिंजौर, तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा), उम्र 18 वर्ष, के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी बाल अपचारी (नाबालिग) पाया गया, जो उसी पते का निवासी है। मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा आरोपी आर्यन पुत्र राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाल अपचारी से पूछताछ के उपरांत उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था I इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करके 04 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया गया था I इस अभियोग में आगामी कार्यवाई के दौरान इस मामले में पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों द्वारा बरामद चिट्टा मनीमाजरा चंडीगढ़ से शिवम् उर्फ़ काकू नमक व्यक्ति से 14,000/- रूपए में खरीदा गया था। इसके अतिरिक्त जाँच के दौरान पुलिस टीम द्वारा मामले में तकनीकी साक्ष्यों (कॉल डिटेल्स एवं अन्य डिजिटल इनपुट) का भी गहन विश्लेषण किया गया। आरोपियों से गहन पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस थाना परवाणू की टीम द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए उक्त मामले में संलिप्त मुख्य सप्लायर शिवम् उर्फ़ काकू पुत्र स्व० राम भरोसे न्यू इन्दोर कॉलोनी सेक्टर 13 मनीमाजरा चंडीगढ़ उम्र 25 वर्ष को दिनांक 02-02-2026 को Backward Linkage के आधार पर मनीमाजरा चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया और इसके ठिकाने पर दबिश दी गई और आरोपी से करीब 7 ग्राम चिट्टा और बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 03-02-2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है I गिरफ्तार आरोपी के पूर्व अपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है I मामले में जाँच जारी है I
भारतीय जनता युवा मोर्चा कंडाघाट मंडल के अध्यक्ष कार्तिक ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026–27 के बजट का पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट स्पष्ट संदेश देता है कि आज का भारत अपने युवाओं की ऊर्जा, मेहनत और हुनर के बल पर आगे बढ़ रहा है। कार्तिक ठाकुर ने कहा कि बजट में रोज़गार सृजन, स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, डिजिटल इंडिया और नई तकनीकों पर दिए गए विशेष ज़ोर से देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के युवाओं को भी नई दिशा और नई उड़ान मिलेगी। अब युवा केवल नौकरी ढूँढने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला युवा बनेगा — यही इस बजट की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के लिए पर्यटन, सड़क, कनेक्टिविटी, स्टार्टअप और स्वरोज़गार से जुड़े प्रावधान युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने वाले हैं। इससे प्रदेश के युवा अपने गांव और अपने प्रदेश में रहकर ही आगे बढ़ सकेंगे और पलायन पर रोक लगेगी। किसानों और बागवानों के हितों को लेकर भी बजट में ठोस कदम उठाए गए हैं। कृषि और बागवानी क्षेत्र में निवेश से सेब उत्पादक, दुग्ध पालक और ग्रामीण युवा सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। यह बजट गांव, किसान और युवा— तीनों को साथ लेकर चलने वाला बजट है। कार्तिक ठाकुर ने कहा कि यह केवल 2026–27 का बजट नहीं, बल्कि 2027 और विकसित भारत की ओर बढ़ते युवा भारत का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने इस बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने युवाओं पर भरोसा जताकर देश को नई दिशा दी है।
देवभूमि हिमाचल के जिला सोलन के ऐतिहासिक क्षेत्र कुनिहार में स्थित अनादि कालीन शिव तांडव गुफा में शिवरात्रि के पावन अवसर पर आगामी 4 फरवरी 2026 से 11 दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन होने जा रहा है। 'समस्त शंभू परिवार' एवं 'गुफा विकास समिति कुनिहार' के सौजन्य से आयोजित इस पावन यज्ञ में क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं को शिव भक्ति के रस में सराबोर होने का अवसर मिलेगा। आयोजन का भव्य आगाज 4 फरवरी को सवेरे 9 बजे शिव महापुराण ग्रंथ व कथावाचक के स्वागत तथा एक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा कोठी घाटी से आरंभ होकर शिव तांडव गुफा तक निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु शामिल होकर मंगल गान करेंगे। श्रद्धालुओं को भगवान शिव के दिव्य प्रसंगों का श्रवण कराने के लिए प्रख्यात कथा व्यास आचार्य बलवंत शांडिल गाँव दोची कुनिहार वाले अपने मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक अमृत वर्षा करेंगे। गुफा विकास समिति अध्यक्ष राम रतन तनवर, उपाध्यक्ष रितु ठाकुर, व मीडिया प्रभारी मनु भारद्वाज द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कथा के उपरांत प्रतिदिन सायं 5 बजे से भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शंभू परिवार व गुफा विकास समिति ने सभी क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों और शिव भक्तों से निवेदन किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कलश यात्रा और कथा श्रवण कर पुण्य के भागी बनें। साथ ही, समिति ने समस्त प्रदेशवासियों को आगामी महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जटौली शिवालय (योगानंद आश्रम) एक विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनने जा रहा है। स्वामी कृष्णानंद परमहंस महाराज के दिव्य आशीर्वाद से यहां 15 एवं 16 फरवरी 2026 को एक भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी वर्मा ज्वेलर्स परिवार ने दी। यह आयोजन भक्ति, साधना, संगीत और सामाजिक समरसता का एक सुंदर संगम होगा। यह पावन अवसर वर्मा ज्वेलर्स के डायरेक्टर नरेश चंद वर्मा के 71वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में समर्पित है। नरेश चंद वर्मा ने सोलन को अपनी कर्मभूमि बनाकर जिस विश्वास और ईमानदारी की नींव रखी, उसी पर वर्मा ज्वेलर्स का निर्माण हुआ। गुणवत्ता, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हुए यह ब्रांड हिमाचल प्रदेश के जन-जन के विश्वास का प्रतीक बन चुका है। आज वर्मा ज्वेलर्स केवल एक व्यापारिक पहचान नहीं, बल्कि परंपरा, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतिनिधित्व करता है, जिसे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं प्रतिष्ठा प्राप्त हुई है। 15 फरवरी 2026, रविवार को जटौली शिवालय परिसर में रात्रि भजन एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 07:00 बजे विधिवत पूजन से होगा, जिसके पश्चात 07:30 बजे ज्योति प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके बाद शिवभक्ति और संगीत से सजी एक विशेष सांस्कृतिक संध्या आरंभ होगी, जिसमें देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ देंगे। इस संध्या में सिंगर प्रेम मेहरा, पंकज राज (टी-सीरीज़ फेम), मोहित चोपड़ा (इंडियन आइडल फेम, मुंबई), पवन शर्मा (इंडिया राइज – राम-कृष्ण भजन) और सोनी सिस्टर्स (शिव भजन प्रस्तुति) अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान अघोरी बाबा झांकी, काली माता झांकी और अन्य आध्यात्मिक दृश्य प्रस्तुतियाँ वातावरण को और अधिक दिव्य एवं भावविभोर करने वाला बनाएंगी। इसी पावन रात्रि में 09:30 बजे नरेश चंद वर्मा का 71वां जन्मदिवस समारोह सम्मान एवं केक कटिंग के साथ आयोजित किया जाएगा। रात्रि भर चलने वाला यह आयोजन प्रातः 05:00 बजे महाआरती के साथ संपन्न होगा। 16 फरवरी 2026, सोमवार को जटौली शिवालय में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जो प्रातः 09:00 बजे से श्रद्धालुओं की सेवा के लिए निरंतर चलता रहेगा। यह भंडारा जटौली मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अपने अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। परवाणू में बीते 10 जनवरी को सामने आए चिट्टा तस्करी के मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने पंजाब से एक और मुख्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई में अब तक कुल तीन आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। एसपी सोलन गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने 10 जनवरी को परवाणू की टर्मिनल मार्केट से एक युवक को 10.47 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इस युवक से पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने पहले चंडीगढ़ से एक सप्लायर को पकड़ा। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मोहाली (पंजाब) से सतनाम सिंह निवासी जलालाबाद, जिला फाजिल्का को गिरफ्तार किया। सतनाम के पास से भी पुलिस को 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। पुलिस ने आरोपी सतनाम सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान सतनाम ने खुलासा किया कि वह यह नशा कुलविंदर सिंह निवासी ग्राम चंगराई उत्तर, जिला फिरोजपुर (पंजाब) से खरीदता था। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सोलन पुलिस की टीम ने बीते 30 जनवरी को सुहाना, जिला मोहाली में दबिश दी और मुख्य तस्कर कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में आरोपियों के बीच बड़े आर्थिक लेन-देन की बात भी सामने आई है। आरोपी कुलविंदर सिंह की बैंक डिटेल्स खंगालने पर अन्य आरोपियों के साथ लाखों रुपए की ट्रांजैक्शन पाई गई है, जो इस नशे के नैटवर्क की पुष्टि करती है। इस मामले में अब तक कुल 20 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया जा चुका है और कुल 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपी कुलविंदर सिंह को न्यायालय में पेश कर 4 दिन की पुलिस हिरासत (रिमांड) में लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नैटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में रविवार तड़के उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब सोलन–सपाटू मार्ग पर देवठी के समीप आसमानी बिजली गिरने से 55 से अधिक भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में तीन भेड़ पालक बाल-बाल बच गए। सभी भेड़ पालक जिला किन्नौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार सुबह करीब पौने चार बजे हुआ। उस समय क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। बारिश से बचाव के लिए भेड़ पालक अपने पशुओं के लिए टेंट लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आसमान से बिजली गिरी, जिसकी चपेट में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां आ गईं। बिजली गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पशु इधर-उधर बिखर गए। इस हादसे में किन्नौर जिले के भाबा क्षेत्र के विशाल नेगी, विनय सिंह, कृष्ण भगत और विनोद कुमार चौरा की भेड़-बकरियों को भारी नुकसान हुआ है। बताया गया है कि इन चारों भेड़ पालकों की कुल लगभग 650 भेड़-बकरियां थीं, जिनमें से 55 से अधिक की मौत हो गई है, जबकि कई पशु घायल अवस्था में हैं। घायल पशुओं के उपचार की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन नुकसान को देखते हुए भेड़ पालक गहरे सदमे में हैं। भेड़ पालकों का कहना है कि यह उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रभावित भेड़ पालकों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस नुकसान से उबर सकें। प्रशासन की ओर से भी नुकसान का आकलन किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने और योजना को कमजोर करने के विरोध में हिमाचल कांग्रेस आज 30 जनवरी को शिमला में उपवास करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में यह उपवास शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि इस उपवास में अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, कांग्रेस विधायक व पूर्व विधायक भी उपवास में भाग लेंगे। कांग्रेस के इस उपवास में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पूर्व पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, बोर्ड व निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, शिमला नगर निगम के सभी पार्षद, अग्रणी संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। विनय कुमार ने पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस उपवास में अनिवार्य रूप से भाग लेने की अपील की है। वहीं उपवास के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य सांसद रजनी पाटिल 30 जनवरी को अपराह्न 2 बजे से 4 बजे तक शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अहम बैठकें करेंगी। इस दौरान सभी जिला अध्यक्षों, मनरेगा बचाओ अभियान के लिए नियुक्त जिला व ब्लॉक कॉर्डिनेटर के साथ समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इसके बाद सांसद रजनी पाटिल युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और अन्य अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगी। प्रदेश कांग्रेस सचिव ने सभी जिला अध्यक्षों, जिला व ब्लॉक कॉर्डिनेटर और अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों को इन बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सचिवालय में मीडिया को संबोधित करते हुए आगामी केंद्रीय बजट में हिमाचल प्रदेश के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक सीमावर्ती एवं पर्वतीय राज्य है और यहां की विशेष भौगोलिक व वित्तीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार आगामी बजट में राज्य के लिए अतिरिक्त बजट का प्रावधान करें। रोहित ठाकुर ने केंद्र से मांग उठाते हुए कहा कि प्रदेश में भारी प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त योजनाओं के पुनर्निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि जारी की जाए, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को दोबारा पटरी पर लाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में किए गए सराहनीय कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए इन विभागों को और अधिक बजट उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही, राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से पर्यटन और बागवानी क्षेत्रों के लिए नई योजनाएँ शुरू कर बजट में विशेष प्रावधान किया जाए। रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए सड़क, रेल और हवाई संपर्क को और मजबूत करना समय की मांग है, इसके लिए केंद्र सरकार कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि स्वीकृत करें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश बाग़वानी और कृषि पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनावों के दौरान सेब को स्पेशल कैटेगरी में शामिल करने का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। केंद्र सरकार की नीतियाँ लगातार सेब बागवानों के हितों के खिलाफ जा रही हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि पहले न्यूज़ीलैंड के साथ FTA (Free Trade Agreement) के तहत सेब पर आयात शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 25 प्रतिशत किया गया और अब केंद्र सरकार यूरोपियन देशों के साथ नए समझौते के माध्यम से सेब पर आयात शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 20 प्रतिशत करने जा रही है। रोहित ठाकुर ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार विदेशी सेब को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश सहित सेब उत्पादक राज्यों के बागवानों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (MIS) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले इस योजना में केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होती थी, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने अपने 50 प्रतिशत हिस्से के बजट को समाप्त कर दिया, जिससे बागवानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
हिमाचल प्रदेश की शांत वादियों में नशे की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। भुंतर पुलिस की विशेष टीम ने नाकेबंदी व गश्त के दौरान पंजाब के दो युवकों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुंतर पुलिस की टीम कुल्लू-भुंतर फोरलेन के समीप बड़ा भूईन लिंक रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद दो संदिग्ध युवकों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से 29 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों युवक पड़ोसी राज्य पंजाब के संगरूर जिले के निवासी हैं। आरोपियों की पहचान गुरवेन्द्र (22) पुत्र शमशेर सिंह, निवासी गांव उगराहण (सुनाम) तथा हरमन सिंह (22) पुत्र तरसेम सिंह, निवासी गांव संगतपुरा (लहरगंगा) के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कुल्लू घाटी में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन को देखते हुए पुलिस ने गश्त और नाकेबंदी को और अधिक सख्त कर दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में गुरुवार को उत्तर क्षेत्रीय रूपक महोत्सव का शुभारम्भ हुआ। दो दिवसीय इस नाट्य महोत्सव के प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री सम्मानित तथा सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के पूर्व कुलपति प्रो. अभिराज राजेन्द्र मिश्र उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संस्कृत के बिना भारत की कल्पना संभव नहीं है तथा सम्पूर्ण भारतीय एवं विश्व संस्कृति संस्कृत पर ही आश्रित है। यदि भारतीय संस्कृत और उसके विकास में अवरोध उत्पन्न होता है, तो यह सम्पूर्ण विश्व के लिए खतरे की घंटी सिद्ध होगा। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से नाट्य मंचन के लिए आए प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएं दीं तथा वेदव्यास परिसर से जुड़ी अपनी अनेक पुरानी स्मृतियों को भी साझा किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के भोपाल परिसर से साहित्य विभाग की अध्यक्ष प्रो. सनन्दन कुमारी त्रिपाठी ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने छात्रों को साहित्य, नाट्य कला आदि क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी करने एवं विशेष रूप से संस्कृत नाटकों के मंचन हेतु प्रेरित किया। वहीं सारस्वत अतिथि के रूप में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के एकलव्य परिसर, त्रिपुरा से साहित्य विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुशान्तराज भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वेदव्यास परिसर बलाहर की निदेशिका प्रो. सत्यम कुमारी ने की। कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. मोहिनी अरोड़ा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बलाहर परिसर में भारत के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार छात्रों द्वारा संस्कृत नाटकों का मंचन किया जा रहा है, जिससे संस्कृत का संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार व्यापक रूप से हो रहा है। उद्घाटन सत्र के उपरांत दीवान कृष्ण किशोर आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, अम्बाला के छात्रों द्वारा नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने अत्यंत सहृदयता से सराहा। इसके पश्चात केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के गंगानाथ झा परिसर, प्रयागराज के नाट्य प्रतिभागियों द्वारा संस्कृत नाटक अर्जुन उर्वशीयम् का मंचन किया गया, जिसकी प्रस्तुति अत्यंत मनमोहक एवं सराहनीय रही। शेष प्रतिभागियों की प्रस्तुतियाँ शुक्रवार को की जाएंगी। इस अवसर पर वेदव्यास परिसर के समस्त शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक स्कूल कुनिहार का चयन जिला सोलन के टॉप 20 विद्यालयों में ‘ग्रीन स्कूल प्रोग्राम’ के अंतर्गत राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है। यह सम्मान विद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत तथा हरित वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे निरंतर एवं सराहनीय प्रयासों का परिणाम है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यालय परिसर में नियमित रूप से पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, प्लास्टिक-मुक्त परिसर, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा बचत तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहे हैं। यह सम्मान सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE), नई दिल्ली द्वारा संचालित ग्रीन स्कूल प्रोग्राम (GSP) के अंतर्गत देशभर के विद्यालयों के पर्यावरणीय ऑडिट के आधार पर प्रदान किया जाता है। विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) सोलन, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (उच्चतर) सोलन एवं जिला साइंस सुपरवाइजर अमरीश शर्मा के मार्गदर्शन में लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर द्वारा GSP ऑडिट को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया, जिसके उपरांत विद्यालय का चयन जिला सोलन के टॉप 20 ‘ग्रीन स्कूल’ में किया गया। उन्होंने बताया कि विद्यालय को 30 जनवरी को भारत हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित GSP कार्निवल एवं अवार्ड समारोह में प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय अध्यक्ष ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यालय के इको क्लब के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, अध्यापकगण, पीटीए अध्यक्ष, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त किया है। विद्यालय अध्यक्ष ने लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालय पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इसी प्रकार अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। यह सम्मान न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे कुनिहार क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत बहुचर्चित डाडा सीबा रियासत मामले पर बड़ी अपडेट सामने आई है। बता दें कि राजा बृजेंद्र सिंह की रियासत पर अपना हक जताने वाली महिला मीनाक्षी सिंह और उसकी बेटी सिमरन सिंह को देश की सर्वोच्च अदालत से भी राहत नहीं मिल पाई है। हाईकोर्ट शिमला में स्टे की अर्जी खारिज होने के बाद सिमरन सिंह व मीनाक्षी सिंह ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, परंतु वहाँ भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। वहीं इस मामले पर राजा बृजेंद्र सिंह के पावर ऑफ अटॉर्नी अधिवक्ता अमित राणा ने बताया कि हमने शुरू से ही सही रास्ता चुना है। अदालत का जो भी फैसला हुआ, हमने उसे स्वीकार किया है। अब जब देश की सर्वोच्च अदालत का फैसला आ गया है, तो वह उम्मीद करते हैं कि लोग अब बरगलाना बंद करें और देश की सर्वोच्च अदालत के फैसले का सम्मान करें। यह फैसला सम्मानित सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिया गया है, जिसे अब स्वीकार कर लेना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव कार्यों के दृष्टिगत 29 व 30 जनवरी, 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी वरिष्ठ अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि 33 के.वी. कथेड़ फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में 29 व 30 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे से 10:30 बजे तक तथा सायं 5:00 बजे से 5:30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रभावित क्षेत्रों में मॉल रोड, अपर बाजार, पुराना उपायुक्त कार्यालय, आनंद कॉम्प्लेक्स, न्यायालय परिसर, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, सन्नी साइड, विवांता मॉल, चिल्ड्रन पार्क, पुस्तकालय, क्षेत्रीय अस्पताल, अस्पताल मार्ग, फ्लाई, बेल, जबलाटी, सेवला, बरड़ बस्ती, तरनतारन, विंसम होटल, कोधारी, कोठी, बजरोल, शामती, ऑफिसर कॉलोनी, मिनी सचिवालय, लकड़ बाजार, गंज बाजार, शिल्ली मार्ग, मोहन कॉलोनी, मधुबन कॉलोनी, हरि मंदिर क्षेत्र, राजगढ़ मार्ग, नगर निगम क्षेत्र, रेनॉल्ट शोरूम, चौक बाजार, सर्कुलर रोड, पुराना व नया बस अड्डा, जौणाजी मार्ग, ठोडो मैदान, जेबीटी मार्ग सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 11 के.वी. राजगढ़ फीडर के अंतर्गत न्यू कथेड़, पुलिस लाइन, कारागार, सब्जी मंडी, बीएसएनएल कॉलोनी, आयकर विभाग, उप-कारागार एवं आसपास के क्षेत्रों में 29 व 30 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी प्रकार 11 के.वी. हिमाचल कंडक्टर एवं सराहां फीडर के अंतर्गत खुंडीधार, साईं मंदिर, शामती, क्वागड़ी, शियोथल, मेरिडियन, डमरोग, धरांजटी, बदखोर, चिल्ला, बागड़, आंजी, बलाणा, काली माता मंदिर तथा आसपास के क्षेत्रों में भी निर्धारित समय के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 29 जनवरी को 11 के.वी. सोलन नंबर-02 फीडर के अंतर्गत न्यू कथेड़, 132 के.वी. उप-केंद्र के समीप, हाउसिंग बोर्ड, डिग्री कॉलेज, साइंटिस्ट कॉलोनी, तहसील कार्यालय, धोबीघाट, डाइट, टैंक रोड, फॉरेस्ट रोड, चौंरीघाटी, सेरी, गलानग, खनोग, मतियूल एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि 11 के.वी. शिवालिक फीडर के अंतर्गत मैसर्स शिवालिक बायमेटल कंट्रोल प्राइवेट लिमिटेड, चम्बाघाट में भी 29 जनवरी को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके अतिरिक्त 11 के.वी. चम्बाघाट फीडर, एक्सप्रेस फीडर चम्बाघाट, कण्डाघाट फीडर तथा डब्ल्यू.एस.एस. फीडर के अंतर्गत आने वाले चम्बाघाट औद्योगिक क्षेत्र, बसाल, कालाघाट, शिल्ली, बेर, करोल बिहार, एनआरसीएम, उपायुक्त आवास सहित अनेक क्षेत्रों में 29 व 30 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। वरिष्ठ अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने बताया कि खराब मौसम अथवा किसी अपरिहार्य कारणवश निर्धारित तिथि व समय में परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यद्यपि 33 के.वी. कण्डाघाट फीडर से वैकल्पिक रूप से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध है, तथापि ओवरलोडिंग की स्थिति में अन्य क्षेत्रों में भी अस्थायी रूप से बिजली कटौती की जा सकती है।
ज्वालामुखी उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलियार (लंघा), तहसील खुंडियां के +2 कक्षा के छात्र साहिल कुमार ने राज्यस्तरीय NSS गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया। साहिल कुमार ने 26 जनवरी 2026 को शिमला में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भाग लिया था। साहिल कुमार का चयन राज्यस्तरीय परेड के लिए कई चरणों में हुआ। सबसे पहले जिला कांगड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ोह में NSS का पाँच दिवसीय जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया, जिसमें साहिल का चयन Pre-RD कैंप के लिए हुआ। इसके पश्चात जिला ऊना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय वाल ऊना में आयोजित पाँच दिवसीय Pre-RD कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर साहिल का चयन राज्यस्तरीय RD कैंप के लिए किया गया। इसके बाद शिमला जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाल पानी में दस दिवसीय राज्यस्तरीय RD कैंप आयोजित हुआ, जहाँ से साहिल कुमार को रिज मैदान, शिमला में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने का गौरव प्राप्त हुआ। गणतंत्र दिवस परेड से लौटने पर साहिल कुमार का विद्यालय परिसर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विद्यालय प्रशासन की ओर से राकेश राणा ने साहिल कुमार को बधाई दी इस अवसर पर प्रवक्ता सीमा देवी एवं प्रवक्ता कुलदीप सिंह राणा ने भी साहिल कुमार और उनके परिवार को बधाई दी तथा भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में प्रवक्ता अमित कुमार, रंजना राणा, शशि कुमार, अनीता कुमारी, सपना देवी, ओंकार शर्मा, जगदीश चंद, हेडटीचर अरविंद राणा, पूजा शर्मा, बबिता ठाकुर, कमलेश कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू किए गए नए नियमों का देशभर में विरोध हो रहा है। इसी कड़ी में राजधानी शिमला में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी (RDP) ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के ‘उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने संबंधी विनियम, 2026’ के विरोध में प्रदेश भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ लोग गले में रस्सी का फंदा और हाथों में हथकड़ी डालकर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने UGC के इन नियमों को शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ बताया। वहीं RDP प्रमुख रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि, केंद्र की भाजपा सरकार ने सवर्ण समाज के साथ कुठाराघात किया है। यूजीसी के ये नए नियम न केवल शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करेंगे, बल्कि सामाजिक ताना-बाना पर भी नकारात्मक असर डालेंगे। उन्होंने कहा कि, ये नियम विशेष वर्गों को निशाना बनाते हैं और इससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। RDP का कहना है कि ‘उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने संबंधी विनियम, 2026’ के तहत प्रस्तावित प्रावधान शिक्षा संस्थानों में सामाजिक संतुलन को बिगाड़ सकते हैं। ये नियम कुछ वर्गों के खिलाफ भेदभाव को बढ़ावा देते हैं और मेरिट आधारित शिक्षा प्रणाली को कमजोर करते हैं। पार्टी का दावा है कि यदि इन नियमों को लागू किया गया तो इसका सीधा असर छात्रों और युवाओं के भविष्य पर पड़ेगा। साथ ही केंद्र सरकार से इन नियमों को वापस लेने की मांग की। मांगें नहीं मानने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। नए नियमों का शिक्षक और सामाजिक संगठन भी विरोध कर रहे हैं। यूजीसी ने 13 जनवरी को उच्च शिक्षा में समता विनियम, 2026 को अधिसूचित किया था।
26 जनवरी को देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिमला में आयोजित भव्य गणतंत्र दिवस परेड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुम्मर की छात्रा अंकिता ने भाग लिया। यह गणतंत्र दिवस परेड शिविर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) लालपानी, शिमला में 18 जनवरी से 27 जनवरी तक आयोजित किया गया था, जिसमें हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों से चयनित एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया था। इस आयोजन में अंकिता की सहभागिता ने न केवल विद्यालय बल्कि समूचे क्षेत्र को गौरवान्वित किया। कड़ी अनुशासनात्मक तैयारी और समर्पण के साथ अंकिता ने परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। विद्यालय वापस लौटने पर छात्रा का प्रधानाचार्य एवं समस्त अध्यापक वर्ग द्वारा हार पहनाकर, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जोगिंदर कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करती हैं। विद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शिव राम ने बताया कि यह उपलब्धि छात्रा की निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा एनएसएस के मूल मूल्यों—सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण—का प्रतिफल है। इस अवसर पर विद्यालय की एनएसएस महिला कार्यक्रम अधिकारी रीना देवी सहित समस्त अध्यापकगण मौजूद रहे। सभी ने अंकिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ दीं।
अल फुरकान आदर्श पब्लिक स्कूल, कोटलू ब्राह्मणा में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। हिमाचल की ठंडी हवाओं के बीच भी विद्यालय परिसर छात्रों के उत्साह से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान से हुई। राष्ट्रगान की धुन पर उपस्थित सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक खड़े हुए और तिरंगा फहराते ही विद्यालय परिसर “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। बच्चों के चेहरों पर गर्व और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत, समूह गान, एकल नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। प्रत्येक प्रस्तुति में एकता, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश झलकता रहा, जिसे देखकर उपस्थित अभिभावक भावुक हो उठे तथा शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा पर गर्व व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पंकज राणा, जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस, ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति एवं आयोजकों की सराहना करते हुए बच्चों के उत्साह को देखते हुए 11,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि विद्यालय प्रबंधन को भेंट की, जो बच्चों की शिक्षा एवं भविष्य के कार्यक्रमों हेतु समर्पित की गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अब्दुल खलीक, युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष, तथा मनीष कास्त्रो, यूनाइटेड यूथ फॉर सोशल वेलफेयर के फाउंडर मेंबर एवं मुख्य सलाहकार, भी उपस्थित रहे। समापन संबोधन में मनीष कास्त्रो ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी और बच्चों को देश सेवा के लिए सदैव आगे रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोलन जिला स्तर पर आयोजित भव्य समारोह में मात्र 33 वर्ष की आयु में 49 बार रक्तदान करने वाले युवा विजय भट्टी को हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने भट्टी को सम्मान पत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर विधायक अर्की संजय अवस्थी, विधायक कसौली विनोद सुल्तानपुरी, जोगिंद्रा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक सोलन के चेयरमैन मुकेश शर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। विजय भट्टी सोलन जिला के निवासी हैं, और सोलन हेल्पिंग सोसायटी के संस्थापक भी है, जहां उन्होंने 65000 से ज्यादा जरूरतमंद को रक्त मुहैय्या करवाया है। संस्थापक विजय भट्टी ने रक्तदान को एक आदत बनाकर समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि उन सभी स्वयंसेवी रक्तदाताओं के लिए प्रेरणा स्रोत है जो बिना किसी अपेक्षा के दूसरों की जान बचाने में लगे रहते हैं। समारोह में रक्तदान की महत्वपूर्णता पर जोर देते हुए कहा गया कि रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। आयोजकों ने सभी युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें और इस नेक कार्य को बढ़ावा दें। विजय भट्टी ने इस मौके पर आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह सम्मान मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। यह मेरे परिवार, मित्रों और सभी सहयोगियों के समर्थन का परिणाम है। मैं भविष्य में भी रक्तदान जारी रखूंगा और अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करूंगा।” हिमाचल प्रदेश सरकार और सोलन जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने रक्तदान जागरूकता को नई ऊर्जा प्रदान की है।
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कुनिहार में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, तिरंगे झंडों एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सजावट से सजाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रतन लाल तंवर, पीटीए अध्यक्ष रहे, जिनके साथ उनकी धर्मपत्नी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मंच का संचालन करते हुए मीरा कौशल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं बच्चों का इस गणतंत्र दिवस पर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ध्वजारोहण के साथ हुई। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके पश्चात सभी छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रीय गान गाया। इसके उपरांत विद्यालय की विभिन्न टुकड़ियों—एनएसएस, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स—द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को अत्यंत प्रभावित किया। इस अवसर पर विद्यालय में ग्रैंड पेरेंट्स डे समारोह भी बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। नर्सरी कक्षा के बच्चों के दादा-दादी विशेष रूप से आमंत्रित किए गए, जिन्होंने समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें देखकर ग्रैंड पेरेंट्स भावविभोर हो उठे। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मंच से मुख्य अतिथि, सभी ग्रैंड पेरेंट्स, अभिभावकों, शिक्षकों एवं बच्चों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है तथा नई पीढ़ी को संस्कारवान एवं राष्ट्रभक्त बनाना हम सभी का दायित्व है। विद्यालय अध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि रतन लाल तंवर को शॉल, टोपी एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समस्त पीटीए सदस्य, सभी अध्यापक वर्ग एवं सभी बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को जलपान एवं मिष्ठान वितरित किया गया।
देश के सबसे बड़े 1500 मेगावाट क्षमता वाले भूमिगत नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख राजीव कपूर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। भारत की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। साथ ही ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों, अर्धसैनिक बलों एवं पुलिस कर्मियों को भी नमन किया गया। इसके अतिरिक्त परियोजना के निर्माण एवं संचालन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी कर्मचारियों के बलिदान और परिश्रम को भी सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू होने के साथ ही देश के नागरिकों को उनके मूल अधिकार प्राप्त हुए और इसी कारण यह दिन हमारे लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर तिरंगा फहराते हुए सभी उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रभक्ति और गर्व की भावना देखने को मिली। उन्होंने बताया कि देश के चहुंमुखी विकास में विद्युत क्षेत्र की अहम भूमिका है और इस दिशा में नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। परियोजना ने 18 जनवरी 2026 को दूसरी सबसे तेज़ 7000 मिलियन यूनिट ऊर्जा उत्पादन का रिकॉर्ड स्थापित कर एक नया कीर्तिमान बनाया, जिससे 26 जनवरी 2025 को बनाए गए पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया गया। इसके अलावा नवंबर 2025 में स्टेशन ने 331.214 मिलियन यूनिट का दूसरा सर्वाधिक मासिक विद्युत उत्पादन दर्ज किया, जो वर्ष 2011-12 के रिकॉर्ड से अधिक है। वहीं स्टेशन का अब तक का सर्वोच्च नवंबर माह का उत्पादन 408.909 मिलियन यूनिट (वर्ष 2010-11) रहा है। 29 नवंबर 2025 को परियोजना ने 6612 मिलियन यूनिट डिज़ाइन ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य भी हासिल किया, जिससे 1 दिसंबर 2024 को बने रिकॉर्ड को पार किया गया। कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि निगम की सबसे बड़ी सौर परियोजना — 1000 मेगावाट बीकानेर सोलर परियोजना — ने 24 दिसंबर 2025 को अपनी कमर्शियल ऑपरेशन डेट (COD) प्राप्त कर ली है, जो प्रतिवर्ष 2455 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन करेगी। साथ ही 1320 मेगावाट बक्सर थर्मल परियोजना की पहली 660 मेगावाट यूनिट ने 14 नवंबर 2025 को COD हासिल की, जिसका उद्घाटन 22 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। अंत में परियोजना प्रमुख ने नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की उपलब्धियों के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, हिमाचल प्रदेश सरकार, राज्य की अन्य एजेंसियों तथा विद्युत मंत्रालय एवं प्रबंधन का सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया l
कांगड़ा जिले में पालमपुर के पाहड़ा स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान की बस मंगलवार को उस समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जब वह बच्चों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। यह हादसा लाहट-शिवनगर मार्ग पर हुआ, जहाँ अनियंत्रित होकर बस सड़क पर ही पलट गई। जैसे ही चीख-पुकार मची, आस-पास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। प्रशासन के पहुंचने से पहले ही स्थानीय निवासियों ने भीतर फंसे बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत पालमपुर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में 6 बच्चे समेत 4 शिक्षक घायल हुए है। वर्तमान में सभी का उपचार जारी है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, उसकी हालत लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। उबड़-खाबड़ और संकरे रास्ते के कारण यहाँ अक्सर वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है। हालांकि, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और इस बात की गहनता से जांच की जा रही है कि दुर्घटना की असली वजह सड़क की हालत थी या फिर कोई तकनीकी खराबी।
दिनांक 26 जनवरी 2026 की रात को गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ कुल्लू की टीम ने भुंतर स्थित एक निजी होटल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरा नंबर 303 की तलाशी ली गई, जहां से 18.80 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा 1,02,600 रुपये नकद बरामद किए गए। मामले में दो आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास दीप सिंह (23 वर्ष) पुत्र सविंदर सिंह, निवासी मकान नंबर 387, मजीठा रोड, खंडेवाला चौक, मॉडल स्टडी स्कूल के पास, थाना मजीठा रोड, तहसील व जिला अमृतसर, पंजाब तथा पूनम (21 वर्ष) पुत्री ललित सिंह, निवासी ग्राम व डाकघर बंडरोल, तहसील व जिला कुल्लू के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना भुंतर में एफआईआर नंबर 15/26 दिनांक 26-01-2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में शामिल एसटीएफ टीम में हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल समीर कुमार, महिला कांस्टेबल सरिता, हेड होमगार्ड नितेश तथा कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल थे।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने वफादारी की मिसाल पेश की है। प्रसिद्ध भरमाणी माता मंदिर की ऊंची पहाड़ियों में लापता हुए दो युवकों की दुखद मौत हो गई, लेकिन इस त्रासदी के बीच उनके पालतू कुत्ते की वफादारी ने सभी को भावुक कर दिया। जानकारी के अनुसार 23 जनवरी से लापता 19 वर्षीय विकसित राणा और उसका 13 वर्षीय ममेरा भाई पीयूष कुमार भरमाणी माता मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। उनके साथ पीयूष का पालतू कुत्ता और कैंपिंग का सामान भी था। बताया जा रहा है कि मंदिर के ऊपरी इलाकों में वीडियो शूटिंग के दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया। भारी बर्फबारी और बर्फीले तूफान के चलते दोनों युवक रास्ता भटक गए और भारी बर्फ़बारी में फंसने के कारण उनकी मौत हो गई। युवकों की तलाश के लिए प्रशासन ने ड्रोन और सेना के दो हेलीकॉप्टरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन रविवार तक कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को जब रेस्क्यू टीम बर्फ से ढके इलाके में पहुंची, तो देखा गया कि एक कुत्ता ठंड से कांपता हुआ अपने मालिक के शव के पास पहरा दे रहा था। बिना भोजन और पानी के वह बेजुबान चार दिनों तक बर्फ की चादर के बीच अपने मालिक के शव के पास बैठा रहा।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में तीन दिन से लापता दो युवकों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है। बर्फ से ढकी चोटियों पर फंसे 13 वर्षीय पीयूष कुमार का पार्थिव शरीर सेना और रेस्क्यू टीम की मदद से बरामद हुआ है। इस खबर की पुष्टि क्षेत्रीय विधायक जनक राज ने की। जानकारी के अनुसार मलकौता निवासी 19 वर्षीय विकसित राणा और उसका 13 वर्षीय ममेरा भाई पीयूष कुमार बीते शुक्रवार को भरमाणी माता मंदिर के दर्शन के बाद आसपास की ऊंची पहाड़ियों की ओर वीडियो बनाने गए थे। इसी दौरान भारी बर्फबारी और फिसलन भरे रास्तों के कारण दोनों युवक लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पर्वतारोहियों की विशेष टीम और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दुर्गम परिस्थितियों में ड्रोन और वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई। फिलहाल 19 वर्षीय विकसित राणा की तलाश जारी है। प्रशासन ने बताया कि मौसम और बर्फबारी के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।
नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हमीरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चिट्टा तस्करी से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए इसके मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 20 जनवरी को थाना सदर हमीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत कनौल–भोटा मार्ग पर हुई चिट्टा बरामदगी के मामले की कड़ी के रूप में की गई। मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने अहम सुराग जुटाए, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई गई। सदर थाना पुलिस के अनुसार, 20 जनवरी को टीम कनौल–भोटा क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के कब्जे से 13.83 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की गई और उनके मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए, जिनसे चिट्टा तस्करी के नेटवर्क की परतें खुलती चली गई। पूछताछ में सामने आया कि इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर संदीप उर्फ लाडी है, जो ऊना जिले के गोंदपुर क्षेत्र का रहने वाला है। ऐसे में पुख्ता सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस की टीम ने गोंदपुर क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी संदीप उर्फ लाडी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से युवाओं को चिट्टा सप्लाई कर रहा था। वहीं, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि की उन्होंने कहा कि, "हमीरपुर पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य संभावित तस्करों और संपर्कों की भी गहनता से जांच कर रही है। नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"
थाना क्षेत्र कुनिहार में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार में सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कुनिहार की टीम गश्त और मोबाइल नाकाबंदी के दौरान नए बस अड्डा चौक से पुराने बस अड्डा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क के बाईं ओर एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार (एचपी-11ए-6156) दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में दिखाई दी। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और आसपास लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि हादसे में घायल लोगों को राहगीरों की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची जहां कार चालक आकाश ठाकुर पुत्र कृष्ण चंद ठाकुर निवासी गांव हाटकोट डाकघर कुनिहार तहसील अर्की, जिला सोलन घायल अवस्था में उपचाराधीन पाया गया। वहीं कार में सवार युवती आहना चैटर्जी पुत्री श्याम चैटर्जी, निवासी गांव व डाकघर बनूटी, तहसील व जिला शिमला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल अर्की के शवगृह भेजा गया है।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक आकाश ठाकुर कोठी चौक से पुराने बस अड्डा कुनिहार की ओर युवती के साथ जा रहा था। इस दौरान वाहन की गति अत्यधिक तेज थी और चालक ने वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाया, जिससे कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले की पुष्टि डी एस पी सोलन अशोक चौहान ने की है।
एनजेएचपीएस में 37वाँ सड़क सुरक्षा सप्ताह अत्यंत सफल एवं प्रभावशाली ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर सड़क एवं औद्योगिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में डिफेंसिव ड्राइवर प्रशिक्षण, क्रेन एवं फोर्कलिफ्ट सुरक्षा प्रशिक्षण, सड़क सुरक्षा कठपुतली शो तथा रोड सेफ्टी क्विज़ शामिल रहे। दिनांक 10 जनवरी 2026 को आयोजित पूरे दिन के डिफेंसिव ड्राइवर प्रशिक्षण में ड्राइवरों को खतरों का पूर्वानुमान, जोखिम में कमी तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम से संबंधित थ्योरी एवं प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया गया। वहीं 12 जनवरी 2026 को क्रेन और फोर्कलिफ्ट ऑपरेटरों के लिए विशेष सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें सुरक्षित संचालन, रिगिंग अभ्यास, संचार तथा आपातकालीन प्रक्रियाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अतिरिक्त 14 एवं 15 जनवरी 2026 को झाकड़ी और नाथपा बाँध में सड़क सुरक्षा से संबंधित कठपुतली शो एवं क्विज़ का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों में सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूकता बढ़ाई और सीखने की प्रक्रिया को रोचक एवं यादगार बनाया। यह मुहिम 17 जनवरी को चलाई गई। इस सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन परियोजना प्रमुख राजीव कपूर द्वारा किया गया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की, विशेषकर “कठपुतली शो” की, जिससे सभी ने रोचक तरीके से सीख प्राप्त की। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही से कितनी जानें खतरे में पड़ जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। हम सभी को नियमों का पालन करना चाहिए और जोखिमों को कम करना चाहिए, चाहे वह कार्यक्षेत्र हो या सड़क पर।
विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने रविवार को ग्राम पंचायत स्वाहल में पूर्व सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में पंचायत के 78 पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों को विधायक ने अपनी ओर से सम्मानित किया। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय पंचायत के महिला मंडलों और बूथ कमेटी को भी सम्मानित किया। उन्होंने समारोह में पधारे पंचायत के सभी भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, पैरामिलिट्री, पुलिस, होमगार्ड से सेवानिवृत्त जवानों तथा सीमा पर तैनात जांबाजों के परिजनों का कार्यक्रम में पधारने पर आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि यहाँ जो पूर्व सैनिक विराजमान हैं, उन्होंने अपनी जवानी सरहदों पर देश की रक्षा में व्यतीत की है। जब सरहद पर सैनिक अपनी सेवा देते हैं, तभी पूरा देश चैन की नींद सोता है। उन्होंने कहा कि सैनिकों का कर्ज कभी भी नहीं उतारा जा सकता। उन्होंने कहा कि आज केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने सैनिकों और सरहदों को सशक्त किया है। अब दुश्मन सरहद पार करने से पहले सौ बार सोचता है। सशक्त नेतृत्व के चलते आज देश की सैन्य शक्ति और अधिक मजबूत हुई है। विधायक ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इन पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों को सम्मानित करने और उनका आशीर्वाद लेने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ स्तर पर इस प्रकार के सैनिक सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत स्वाहल पंचायत से की गई है। इस मौके पर उनकी धर्मपत्नी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री अश्वनी शर्मा एवं प्रमोद पटियाल, ग्राम केंद्र अध्यक्ष ओंकार, बूथ अध्यक्ष दिनेश, बीडीसी चेयरमैन रीना देवी, पंचायत प्रधान प्रीतम चंद, कमलेश परमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
भून्तर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार भून्तर पुलिस की टीम द्वारा जरड़ फोर लेन के समीप नाकाबंदी के दौरान एक वाहन संख्या HP-01B-7071 को नियमानुसार जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में सवार हर्ष (24) पुत्र प्रितम सिंह, निवासी गांव व डाकघर समोह, तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर तथा विशाल (26) पुत्र हंस राज, निवासी गांव व डाकघर गलमा, तहसील वल्ह, जिला मंडी के कब्जे से 8 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना भून्तर में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21, 25 व 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बरामद नशे की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश के बाद एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है। प्रदेश में एक बार फिर से एक और वैस्टर्न डिस्टर्बसेंस एक्टिव हो रहा है। ऐसे में राज्य में फिर से बर्फबारी की संभावनाएं बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 27 जनवरी को राज्य में भारी बर्फबारी, बारिश और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 29 जनवरी से राज्य में मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है । 25 जनवरी को राज्य के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और कहीं-कहीं बारिश की भी संभावनाएं जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सुंदरनगर, शिमला, कांगड़ा, मुरारी देवी, भुंतर और जोत के क्षेत्रों में बादलों की तेज गर्जना और बिजली गिरने की संभावनाएं व्यक्त की गई है। प्रदेश की राजधानी शिमला सहित मनाली, कल्पा, कुकुमसेरी, नारकंडा, कुफरी, मशोबरा और ताबो सहित 11 स्थानों का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिसमें कुकुमसेरी में माइनस 7.2, कल्पा माइनस 3.8, शिमला माइनस 0.5 और मनाली माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान धर्मपुर में 91.4 एमएम बारिश, सोलन में 68.6, कंडाघाट में 67.0, ऊना में 54.2, काहू में 53.3, पालमपुर व नगरोटा सूरियां 53.2 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। उधर, कोठी में 105 सेटीमीटर बर्फबारी, गोंदला में 85, केलांग में 75, खदराला में 68.6, कुफरी में 66, मनाली में 45.8 और शिमला में 40.0 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया। वहीं राज्य में बर्फबारी से 126 पेयजल परियोजनाएं बंद हो गई है। साथ ही एचआरटीसी के प्रदेश भर में 780 रूट बंद हो गए हैं। 235 बसें विभिन्न स्थानों पर फंसी हुई है।
हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नादौन के झलाण गांव में एक घर से नशीले पदार्थाें के साथ-साथ कैश और गोला-बारूद बरामद किया है। इस मामले में मां और बेटे को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब पूरा शहर और प्रशासन गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों में व्यस्त है। एक तरफ राष्ट्रीय पर्व का जश्न मनाने की तैयारी चल रही है, वहीं दूसरी ओर एक रिहायशी घर से चिट्टे के साथ गोला-बारूद मिलने की खबर से शहर में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस इस बरामदगी को बहुत गंभीरता से ले रही है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपी योगेश कुमार और उसकी मां रीना देवी के घर की तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस ने 8.93 ग्राम चिट्टा, 0.48 ग्राम चरस, 1,01,800 रुपए की नकदी और गोला-बारूद बरामद किया। इसके अलावा नशे के कारोबार में इस्तेमाल होने वाली एक वेइंग मशीन (तोलने का कांटा), फॉयल पेपर और नशा सेवन के लिए इस्तेमाल किया गया अधजला 10 रुपए का नोट भी जब्त किया गया है। एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की कॉल हिस्ट्री और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच की जाएगी ताकि नशे के पूरे सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनके पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई और सबसे अहम सवाल यह है कि घर में गोला-बारूद किस मकसद से रखा गया था और इसे कहां से लाया गया। पुलिस ने साफ कर दिया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। एसएचओ ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे चिट्टे और नशे के सौदागरों के खिलाफ खुलकर सामने आएं और पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को खोखला कर रहे इस नशे को जड़ से खत्म किया जा सके।
लॉरेट फार्मेसी शिक्षण संस्थान के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब द्वारा 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में संस्थान की वीमेन सेल द्वारा “बालिकाओं को सशक्त बनाना, राष्ट्र को सशक्त बनाना” विषय पर एक सेमिनार भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सेंट्रल यूनिवर्सिटी धर्मशाला से प्रोफेसर मृदुला शर्मा तथा अधिवक्ता भावना शर्मा रहीं। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य एवं निदेशक प्रोफेसर डॉ. एम. एस. आशावत द्वारा मुख्य वक्ताओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्य वक्ताओं का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की मुख्य थीम “माय इंडिया, माय वोट” रही, जिसका उद्देश्य मतदाताओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को उनके मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना था। अपने संबोधन में प्रोफेसर मृदुला शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक के वोट की अहम भूमिका होती है। उन्होंने छात्रों को यह संदेश दिया कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि युवा मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी न केवल चुनावी परिणामों को प्रभावित करती है, बल्कि समाज में जिम्मेदार नागरिक होने की भावना को भी सशक्त बनाती है। साथ ही उन्होंने छात्रों को डिजिटल एवं ऑफलाइन माध्यमों से मतदान प्रक्रिया की जानकारी लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा प्रश्न-उत्तर सत्र में भी सक्रिय सहभागिता दिखाई। वहीं अधिवक्ता भावना शर्मा ने “बालिकाओं को सशक्त बनाना, राष्ट्र को सशक्त बनाना” विषय पर प्रेरक वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसर प्रदान करने से न केवल उनका व्यक्तिगत विकास होता है, बल्कि राष्ट्र की प्रगति भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक बदलाव में सक्रिय भूमिका निभाने और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान “माय इंडिया, माय वोट” अभियान के अंतर्गत छात्रों और युवाओं ने मतदान की शपथ ली। शपथ के माध्यम से उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, मतदान के प्रति जिम्मेदार रहेंगे और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सीपीएस वर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने मुख्य वक्ताओं, शिक्षकों तथा सभी छात्रों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. विनय पंडित, डॉ. अमरदीप अंकलगी, डॉ. प्रतिमा आशावत, डॉ. परवीन, डॉ. अदिति कौशिक, डॉ. शिव कुमार खुशवा सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
देहरा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय बलाहर इकाई द्वारा युवा पखवाड़ा के उपलक्ष्य पर अयोजित कबड्डी व वॉलीबॉल प्रतियोगिता उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि रमन शर्मा भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष ने युवाओं को नशे से दूर और खेलों के पास रहने का संदेश दिया। वहीं स्वामी विवेकानंद का युवाओं के जीवन में क्या महत्व है इसका मार्गदर्शन भी किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि अभिषेक तनवाल एबीवीपी राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह संयोजक व एबीवीपी जिला देहरा संयोजक भागमल, इकाई अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, इकाई मंत्री दिवेश शर्मा व भाजपा युवा मोर्चा प्रागपुर मंडल अध्यक्ष अक्षय अत्री, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शंशाक मेहता, युवा मोर्चा जिला कार्यालय सचिव अंशुल राणा मौजूद रहे। पहला कबड्डी का मैच बलाहर की टीम व प्रागपुर की टीम की बीच खेला गया जिसमें प्रागपुर की टीम विजय रही, साथ ही वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भी शुभारंभ भी किया।
धर्मशाला के सुलह विधानसभा क्षेत्र में मनरेगा श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा को लेकर कांग्रेस द्वारा बूथ स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत भद्रोल में आयोजित कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन संजय सिंह चौहान ने कहा कि मनरेगा मजदूरों के अधिकारों का हनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सुलह कांग्रेस उनके अधिकारों के लिए हर संभव प्रयास करेगी। संजय सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार मनरेगा योजना का नाम बदलकर इसे जड़ से खत्म करने की कोशिश कर रही है, जिसके विरोध में देशभर में रोष अभियान चलाया जा रहा है, जो अब एक संग्राम का रूप ले चुका है। इस अवसर पर खाद्य सामग्री आपूर्ति के निदेशक पुनीत मल्लि भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस इकाई और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें सुलह विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि वे संजय चौहान के साथ मिलकर इस जागरूकता अभियान को मजबूत कर सकें। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग और बीडीओ भेड़ू महादेव के सहयोग से ग्रामीणों को कृषि उपकरण भी वितरित किए गए, ताकि लोग आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के युवाओं को राजनीति, पॉलिसी और नेतृत्वकर्ताओं की अगली पीढ़ी के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से आज धर्मशाला में एक लीडरशिप फेलोशिप कार्यक्रम “युवा चेंजमेकर्स” की शुरुआत की। धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश के कोने-कोने से आए वरिष्ठ पत्रकारों, प्रतिष्ठित संस्थानों और जेन-जी इन्फ्लुएंसरों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान “युवा चेंजमेकर्स” की महत्ता, आवश्यकता, उपयोगिता और इसके प्रावधानों पर विस्तृत प्रकाश डाला। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा युवा आबादी वाला देश है और भारतीय जनता पार्टी व मोदी सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने तथा भविष्य का नेतृत्व तैयार करने के लिए कृतसंकल्पित है। हाल के दिनों में हमने देखा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा ने 45 वर्षीय युवा नितिन नबीन को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बार 1,00,000 युवाओं को राजनीति में लाने की बात कही है। मेरे अपने हिमाचल प्रदेश के युवाओं को राजनीति में लाने, पॉलिसी की उनकी समझ को विकसित करने, नेतृत्वकर्ताओं की अगली पीढ़ी तैयार करने और उनकी क्षेत्रीय व राष्ट्रीय भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से मैं “युवा चेंजमेकर्स” नामक एक लीडरशिप फेलोशिप प्रोग्राम शुरू कर रहा हूँ। हम इस कार्यक्रम के माध्यम से राजनीति-कुशल, शासन-दक्ष, नीतिगत समझ रखने वाले और सामाजिक रूप से संवेदनशील नेतृत्व की अगली पीढ़ी तैयार करने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम समाज के लिए जिम्मेदार, समझदार और आत्मविश्वास से परिपूर्ण युवाओं को तैयार करने की दिशा में एक पहल है, जो राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि युवा चेंजमेकर्स कार्यक्रम के चार मुख्य उद्देश्य हैं—युवा जुड़ाव, सामुदायिक प्रभाव, नेतृत्व विकास, प्रतिभा पाइपलाइन। युवाओं का चयन एक संरचित लीडरशिप प्लेटफॉर्म के लिए किया जाएगा। उन्हें वास्तविक जीवन के प्रोजेक्ट्स और मेंटरशिप से रूबरू कराया जाएगा। इसके तहत युवाओं को छोटे-छोटे माइक्रो प्रोजेक्ट्स दिए जाएंगे, जिनमें उन्हें अपने स्थानीय विधानसभा क्षेत्र या निर्वाचन क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना होगा। इसी तरह उन्हें राजनीति, शासन और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में एक परिपक्व नेता बनने के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के पहले चरण में हिमाचल स्थापना दिवस यानी 25 जनवरी से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए 10,000 रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य रखा गया है, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जाएंगे। इसके लिए युवा हमारी वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल्स पर जा सकते हैं। हम कॉलेजों में जाकर कैंप लगाएंगे और अधिक से अधिक युवाओं को इस पहल से जोड़ेंगे। कार्यक्रम के दूसरे चरण में स्क्रीनिंग और शॉर्टलिस्टिंग की प्रक्रिया होगी। स्टेप-1: आवेदन मूल्यांकन—नेतृत्व अनुभव, सामुदायिक जुड़ाव और कौशल के आधार पर किया जाएगा, साथ ही एक छोटा प्रेरणात्मक निबंध या वीडियो के माध्यम से यह बताया जाएगा कि युवा कौन-सा बदलाव लाना चाहते हैं। स्टेप-2: ऑनलाइन योग्यता और नेतृत्व परीक्षा—जिसमें युवाओं की क्रिटिकल थिंकिंग और समस्या-समाधान क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक जिले में लगभग 900 से 1200 उम्मीदवारों में से 100 से 150 युवाओं को जिला-स्तरीय साक्षात्कार के माध्यम से चयनित किया जाएगा। तीसरे चरण में चयनित युवा जिला युवा बूटकैंप में शामिल होंगे। चौथे चरण में पूरे प्रदेश से 200 से 300 युवा पांच दिवसीय प्रदेश-स्तरीय बूटकैंप का हिस्सा बनेंगे। इसके बाद एक बड़े कार्यक्रम में चुने गए फाइनलिस्ट युवाओं को अपने विज़न पेपर (अपने जिले या हिमाचल प्रदेश के लिए एक प्रकार का मेनिफेस्टो) प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, जिसका लाइव प्रसारण भी होगा। पांचवें चरण में 40 से 50 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा और अंततः इनमें से 17 या 21 युवाओं को चेंजमेकर्स की भूमिका के लिए चुना जाएगा। जिस प्रकार जनप्रतिनिधि ईश्वर और संविधान की शपथ लेते हैं, उसी प्रकार युवा चेंजमेकर भी सेवा और समर्पण के साथ समाज को ईमानदार नेतृत्व देने की शपथ लेंगे। चयनित युवा चेंजमेकर्स के लिए यह एक वर्ष का फेलोशिप प्रोग्राम होगा और वे सीधे अनुराग सिंह ठाकुर के साथ उनके निर्वाचन क्षेत्र की परियोजनाओं में कार्य करेंगे। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “एक नेतृत्वकर्ता के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह होती है कि वह जनता को अपने विचारों से कैसे प्रभावित करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सामने सबसे बड़ा उदाहरण हैं कि कैसे उन्होंने भारत की जनता को बड़े बदलावों के लिए प्रेरित किया।” इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर “युवा चेंजमेकर्स” कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम के टॉप 21 युवाओं को 1 लाख 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। विकसित भारत का निर्माण विकसित हिमाचल के बिना अधूरा है और हमारे ये “युवा चेंजमेकर्स” विकसित हिमाचल के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में ज्ञान, विद्या एवं कला की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती को समर्पित बसंत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर पूर्णतः भक्तिमय वातावरण से ओत-प्रोत रहा तथा चारों ओर उल्लास और उमंग का माहौल देखने को मिला। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर विद्यालय प्रांगण में स्थित माँ सरस्वती के मंदिर में आचार्य विनीत भारद्वाज द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। विद्यालय अध्यक्ष ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया कि बसंत पंचमी भारतीय संस्कृति का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, जो शिक्षा, ज्ञान और संस्कारों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में धार्मिक, नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है तथा उनमें अनुशासन, एकता और सामाजिक समरसता की भावना भी प्रबल होती है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। पूजन उपरांत विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना, भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनकी उपस्थित जनसमूह ने मुक्त कंठ से सराहना की। इस अवसर पर अधिकांश विद्यार्थियों ने पीले परिधान धारण किए, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर बसंती रंग में रंगा हुआ प्रतीत हुआ और पर्व की शोभा और भी बढ़ गई। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अध्यापकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाती रहेगी।
जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हिमाचल प्रदेश राज्य स्थापना दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर दो दिवसीय बीबीएन बाइक राइड का भव्य आयोजन कर रहा है। इस वर्ष आयोजन का उद्देश्य "नशे को कहो ना" है, जो युवाओं को नशा विरोधी अभियान से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगा। इस अवसर पर दिल्ली 'रॉयल एनफील्ड राइडर्स' के सहयोग से बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है, जो पहले दिन दिल्ली से आईईसी विश्वविद्यालय और दूसरे दिन बीबीएन में नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश देगी। इस अवसर पर आईईसी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भी नशा मुक्ति अभियान पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रेरक वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे। आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि यह आयोजन युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह रैली न केवल एक साहसिक यात्रा होगी, बल्कि सामाजिक जागरूकता का प्रतीक भी बनेगी।
हमीरपुर न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल मिलने के बाद शुक्रवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को तुरंत खाली करवा लिया गया और आम जनता की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे यह धमकी भरी ई-मेल प्राप्त हुई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। मौके पर डीएसपी हरीश शर्मा, नितिन शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनज़र डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया है। पुलिस द्वारा पूरे न्यायालय परिसर की गहनता से तलाशी ली जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस टीम पूरी तरह सतर्क है।
मनाली और आसपास के क्षेत्रों में आज भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है और दृश्यता भी काफी कम हो गई है। ऐसे में वाहनों के आवागमन के लिए सड़कें अनुकूल नहीं हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। आम जनता और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों या होटलों में ही रहकर बर्फबारी का आनंद लें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी आपात स्थिति में यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो, तो केवल 4×4 वाहनों का ही उपयोग किया जाए और अत्यधिक सावधानी बरती जाए। प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लोगों से सहयोग बनाए रखने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
लम्बे समय से बारिश बर्फ़बारी का इंतज़ार कर रहे किसानों बागवानों, और पर्यटकों का इंतज़ार खत्म हो गया है। शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। शिमला समेत कई स्थानों पर तेज अंधड़ भी चल रहा है। करीब साढ़े तीन महीनों के सूखे के बाद हुई इस बर्फबारी से किसानों और बागवानों को बड़ी राहत मिली है। ताजा बर्फबारी के कारण ऊपरी शिमला की ओर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। चौपाल-देहा सड़क बंद हो गई है, जबकि कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। ढली से कुफरी सड़क पर भी फिसलन बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने इन प्रभावित इलाकों में अनावश्यक आवाजाही न करने की सलाह जारी की है। वहीं पिछले लगभग साढ़े तीन महीनों से बारिश और बर्फबारी की राह देख रहे किसानों और बागवानों के लिए यह मौसम किसी वरदान से कम नहीं है। नमी की कमी के कारण मुरझा रही फसलों और सेब के बगीचों को इस बर्फबारी ने नया जीवनदान दिया है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह हिमपात आने वाली फसल के लिए संजीवनी का काम करेगा।


















































