कहा- लोकतंत्र में विकास के लाभ लक्षित वर्गों तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधि महत्वपूर्ण मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य एव परिवार कल्याण, लोक निर्माण तथा सूचना एवं जन संपर्क) संजय अवस्थी ने कहा कि लोकतन्त्र में विकास के लाभ लक्षित वर्गों तक पंहुचाने में जन प्रतिनिधि महत्वपूर्ण माध्यम हैं। संजय अवस्थी आज सोजल जिला के अर्की में नगर पंचायत अर्की के 3 मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के उपरान्त उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी की गरिमामयी उपस्थिति में आज अर्की में आयोजित एक सादे समारोह में नगर पंचायत अर्की के मनोनीत पार्षद के रूप में कुलदीप सूद, विनय वशिष्ठ तथा प्रदीप शर्मा को शपथ दिलाई गई। अर्की के उप मंडलाधिकारी यादविंद्र पाल ने मनोनीत पार्षदों को और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्य संसदीय सचिव ने पार्षदों के मनोनयन के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि सभी पार्षद जन अपेक्षाओं पर खरा उतरेगेें। उन्होंने कहा कि अर्की को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। इस दिशा में नगर पंचायत अर्की के पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान सरकार अर्की के विकास को नई दिशा प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन, शिक्षा, लोक निर्माण एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में अधोसरंचनात्मक बदलाव किए जा रहे हैं। इनसे समूूचा क्षेत्र लाभान्वित होगा। उन्होंने कहा कि अर्की के प्राचीन धार्मिक स्थल बाड़ीधार को विकसित करने से क्षेत्र में रोज़गार एवं स्वरोज़गार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि अर्की के विकास को गति प्रदान करने के सभी प्रयासों को प्रदेश सरकार का संबल प्राप्त होगा। अवस्थी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण अस्त-व्यस्त प्रदेश को पुन: विकास के मार्ग पर अग्रसर करने में सभी को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करना होगा। इस अवसर पर खंड कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष हेमेंद्र गुप्ता, जिला कांग्रेस महासचिव राजेंद्र रावत, युवा कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष हेमंत वर्मा, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, पार्षद धर्मपाल शर्मा, भारती वर्मा, रुचिका गुप्ता, अंजू, ग्राम पंचायत चम्यवाल की पूर्व प्रधान उर्मिला, रोहांज जलाना की प्रधान सुनीता गर्ग, खंड कांग्रेस अर्की के कोषाध्यक्ष रोशन वर्मा, धर्मपाल गौतम, सचिव डीडी कश्यप, पार्षद हेमलता शर्मा सहित अन्य गणमान्य एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
छात्र-छात्राओं ने स्किट के माध्यम से फिजियोथेरेपी के बारे में किया जागरूक जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय फिजियोथेरेपी दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, फिजियोथेरेपी विभाग के शिक्षक, अन्य विभागों के विभागाध्यक्ष एवं समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभाग के बच्चों ने फिजियोथैरेपी विषय के महत्व और वर्तमान समय में बढ़ती मांग के बारे में बताया। वहीं, कार्यक्रम में विभाग के बच्चों ने स्किट, नाटी, भांगड़ा, गायन, भाषण आदि की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ की गई। कार्यक्रम में नालागढ़ सिविल अस्पताल में सेवारत सीनियर फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. पुनीत सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। डॉ. पुनीत सिंह ने बताया कि इस वर्ष विश्व फिजियोथेरेपी दिवस का थीम अर्थराइटिस है। इसमें अर्थराइटिस के विभिन्न प्रकार और उनके प्रभाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके पश्चात फिजियोथेरेपी विभाग के छात्र-छात्राओं ने नाटी और भांगड़ा की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्किट प्रस्तुत करके फिजियोथेरेपी का महत्व बताया। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक पुरी ने अपने संदेश में कहा कि बदली जीवन शैली के कारण अर्थराइटिस सहित अन्य समस्याओं से बचाव के लिए फिजियोथेरेपी सहायक सिद्ध हो रही है। फिजियोथेरेपी विषय के बारे में सही जानकारी होने पर हम इन बीमारियों से निजात पा सकते हैं।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर के अभिभावक शिक्षक संघ की वार्षिक बैठक महाविद्यालय परिसर में 9 सितंबर को आयोजित की जा रही है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कौंडल ने बताया कि इस मौके पर 2023-2024 सत्र के लिए नई कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा। प्राचार्य ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि सभी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
ग्रांम पंचायत टटैहल में द हंस फाउंडेशन की टीम द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मेडिकल टीम द्वारा बीपी, शुगर व अन्य बीमारियों से पीड़ित 40 लोगों का फ्री चेकअप किया गया तथा टीम भवारना द्वारा गांव टटैहल में लोगों को क्षय रोग से होने वाले लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी मुहैया करवाई गई। टीम में चिकित्सक अंकिता शर्मा, एसपी सुमित कुमार, फार्मासिस्ट आकृति, लैव तकनीशियन सोनू कुमार और पायलट अनिल कुमार शामिल रहे।
-दो दिन रहेंगे दिल्ली, जी20 कार्यक्रम में लेंगे भाग -मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने दी जानकारी आगामी 9 और 10 सितंबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली जाएंगे। इस बाबत जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू 9 और 10 सितंबर को दिल्ली में होंगे। इस दौरान वह देश की राजधानी में आयोजित होने वाले जी20 कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जी20 सम्मेलन का आयोजन करना देश के लिए गर्व की बात है।
बिलासपुर जिले के लुहणु मैदान में चल रही अग्निवीर सेना भर्ती रैली में हजारों की संख्या में युवा भारतीय सेना में शामिल होने के लिए भाग ले रहे हैं। जिला ऊना के गांव नलवाड़ी तहसील बंगाना के जुड़वा भाई सौरव कुमार और गौरव कुमार जो हमीरपुर में हुई रैली में सफल नहीं हो पाए थे, लुहणु मैदान में आयोजित रैली में उन्होंने अपनी सफलता का परचम लहराया। आश्चर्यजनक बात यह है कि दोनों जुड़वा भाई एक साथ सभी पायदानों को पार करते हुए सेना के लिए चुने गए हैं। विगत रैली की असफलता से सबक लेकर दोनों भाइयों ने कठोर परिश्रम के साथ सभी बाधाओं को पार करने की मन में ठानी। माता-पिता के आशीर्वाद तथा विभिन्न लोगों से प्रेरणा प्राप्त कर इस रैली में सफल हुए इन दोनों भाइयों का कहना है कि सेना भर्ती रैली में परिश्रम के माध्यम से ही स्थान पाया जा सकता है। सौरव और गौरव का कहना है कि रैली से पूर्व सी टेस्ट की सुविधा होने से छंटनी हो कर अभ्यर्थी शारीरिक क्षमता के विभिन्न आयोजनों में भाग लेता है। इससे दौड़ने में अधिक भीड़ न होने से अभ्यर्थी द्वाराअपनी क्षमता को बेहतर रूप में प्रदर्शित किया जा सकता है। उन्होंने इस प्रक्रिया को प्रारंभ करने के लिए सेना का आभार व्यक्त किया। दोनों भाईयों ने शैक्षणिक क्षेत्र में भी उत्कृष्ट मुकाम प्राप्त किया है बावजूद इसके अन्य विकल्पों के होते हुए भी उन्होंने सेना में भर्ती होकर देश सेवा को सबसे बेहतर विकल्प के रूप में चुना। इनके पिता बलवंत सिंह का कहना है कि उन्होंने इन दोनों बेटों को सेना के लिए समर्पित किया है यद्यपि एक और बेटा है जो मानसिक दिव्यांग है। उन्होंने अग्नि वीर सैन्य भर्ती के प्रति अपनी पूरी आस्था जताते हुए बच्चों द्वारा किए गए प्रदर्शन पर प्रसन्नता जाहिर की। ऐसे ही जिला हमीरपुर के काकडियार के जुड़वा भाई अखिल राठौर और निखिल राठोर भी इस रैली में अपने बचपन के सपने को साकार करने में सक्षम हुए हैं। बड़े भाई व बहुत से परिवार जन भारतीय सेना में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं यही जज्बा अखिल और निखिल के मन में भी भरा हुआ था यह दोनों भाई बताते हैं कि अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्हें जहां परिवारजनों से प्रेरणा मिली वही गांव के कुछ लोग भी मार्गदर्शक बने। यह फौज में अपने सुनहरे भविष्य को संवारने के लिए आतुर है। अखिल और निखिल कहते हैं कि आज बहुत से युवा भारतीय सेवा का अंग प्रत्यंग बन देश की सेवा के लिए तत्पर है युवाओं में इसके लिए होड़ लगी है। जिला ऊना के हरोली क्षेत्र से संबंध रखने वाले मनीष कुमार ने जमा दो की परीक्षा 92 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की परिवार तथा स्वयं के समक्ष जीवन यापन के लिए अनेक विकल्पों में से इन्होंने सेना में जाकर देश के प्रति अपने कर्तव्य के निर्वहन को ही सबसे उचित समझा। मनीष कुमार का कहना है कि अग्नि वीर सैनिक में यदि योग्यता और समर्थ है तो वह सेना में लंबे समय के लिए अपनी सेवाएं प्रदान कर सकता है। गौरतलब है कि लुहणु मैदान में आयोजित अग्नि वीर भर्ती रैली में बहुत से ऐसे युवाओं ने भाग लिया जो न केवल शैक्षणिक योग्यता में उत्कृष्ट मुकाम हासिल किए हुए थे, अपितु अन्य वोकेशनल ट्रेनिंग या किसी और विषय में भी महारत रखते थे, किंतु इन्होंने उन सब को दरकिनार कर भारतीय सेना का सिपाही बन देश के प्रति अपने कर्तव्य को पूरा करने का लक्ष्य ही चुना।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल ज्वालामुखी में राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत बच्चों की विज्ञान और गणित विषय में रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईर्ं। विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 12वीं कक्षा में सोफिया और वंशिका राय ने प्रथम, पीयूष और अथर्व ने द्वितीय और कात्यानी और नव्या ने तृतीय स्थान हासिल किया। 11वीं कक्षा में करुण और स्माइली ने प्रथम, सरगम और प्रिया ने द्वितीय तथा जिया और रिधम ने तृतीय स्थान हासिल किया। नवमी एवं दसवीं कक्षा में संजय और आशीष बहादुर ने प्रथम, विवेक और आशीष ने द्वितीय अशिल और अक्षित ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में सुजल ने प्रथम, आरुष गुप्ता ने द्वितीय और राहुल ने तृतीय स्थान हासिल किया। स्कूल की प्रधानाचार्य मीना कुमारी ने बताया कि ये प्रतियोगिताएं विद्यालय के विज्ञान एवं गणित क्लब द्वारा बच्चों में विज्ञान और गणित में रुचि बढ़ाने के लिए आयोजित की गईं। ऐसे ही आयोजनों से बच्चों में विज्ञान और गणित विषय का भय दूर होता है और बच्चों की इन विषयों में रुचि बढ़ती है। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर विज्ञान एवम गणित क्लब प्रभारी सुखदा सूद, प्रवक्ता रसायन विज्ञान रजनीश कुमार, प्रवक्ता भौतिकी सुरजीत कुमार, प्रवक्ता जीव विज्ञान अंकिता शर्मा और स्टाफ मौजूद रहा।
विजेता को 3100 और उप विजेता टीम को मिलेगा 2100 रुपये इनाम सिहोटू पंचायत के वार्ड नंबर 1 में एक दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 10 सितंबर को वार्ड नंबर एक के शिव मंदिर के नजदीक मैदान में आयोजित की जाएगी। यह एक लोकल टूर्नामेंट होगा, जिसमें लोकल टीमों की एंट्री होगी। इस प्रतियोगिता की एंट्री फीस 500 रुपये निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 3100 रुपये और उप विजेता टीम को 2100 रुपये और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी सिहोटू युवा क्लब के सदस्य विकास कुमार, कुलजीत कुमार और मुकेश कुमार ने दी है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक टीमें 8219232632, 9459292988, 8628983584 नंबरों पर संपर्क कर सकती हैं।
सेना भर्ती कार्यालय शिमला के कर्नल पुष्विंदर कौर ने आज यहां बताया कि 18 से 24 नवंबर तक मिलट्री स्टेशन ओवेरीपट्टी, रामपुर बुश्हर जिला शिमला में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी जिसमें शिमला, सोलन, सिरमौर व किन्नौर जिला के युवक भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि भर्ती के दौरान उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए पुलिस विभाग, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा, खेल, राजस्व, परिवहन व दमकल विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
मंत्री ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़क बहाली का कार्य करवाया आरंभ राजस्व, बागवानी एवम जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिला किन्नौर के निगुलसरी में राष्ट्रीय उच्चमार्ग-5 पर गत रात भारी भूस्खलन से सड़क कटने के कारण अवरुद्ध हुए यातायात का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। जनजातीय विकास मंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रीय उच्चमार्ग-05 के अधिकारियों व अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवरूद्ध हुई सड़क को खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शीघ्र अति शीघ्र सड़क बहाली का कार्य पूर्ण किया जाना चाहिए ताकि जिला किन्नौर के लोगों की साल भर की मेहनत उनकी सेब व मटर सहित अन्य फसलों को समय पर मंडी तक पहुचाया जा सके और उन्हें उनकी मेहनत का उचित दाम प्राप्त हो सके। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर राष्ट्रीय उच्चमार्ग-5 के अधिकारियों को शीघ्र मशीनें बुलवाकर अवरूद्ध सड़क को खोलने का कार्य आरंभ करवाया। उन्होंने अवरुद्ध मार्ग की स्थिति का ड्रोन के माध्यम से निरीक्षण किया और लोगों की सुविधा के लिए ट्रांसशिपमेंट की सुविधा उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग को बिजली बहाली और जल शक्ति विभाग को पानी सुचारू करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला किन्नौर के लोगों की सेब व मटर की फसलों को समय पर मंडी तक पहुंचाने के लिए तराण्डा निगुलसरी मार्ग में स्पेन को तुरंत प्रभाव से आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों की सुरक्षा के लिए सोल्डिंग में आवाजाही रोकने को कहा और पैदल यात्रियों के लिए खाने का उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उच्चमार्ग के अवरुद्ध स्थान पर पैदल यात्रियों के लिए चिकित्सीय सहायता भी उपलब्ध करवाई जा रही है। उप मंडलाधिकारी निचार बिमला वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक नरेश शर्मा, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग प्रमोद, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी नेगी, स्वास्थ्य चिकित्सक, जल शक्ति विभाग, वन, एनएचएआई व हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मंत्री ने कल्पा के विभिन्न कंडो में पर्यटन गतिविधियों को तलाशने के दिए निर्देश राजस्व, बागवानी एवम जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला की कल्पा ग्राम पंचायत का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्योंं का निरीक्षण किया। उन्होंने इस अवसर पर निर्माणाधीन कार्यों से संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी कार्य को गति प्रदान कर निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजस्व मंत्री ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला कल्पा के नए भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशु चिकित्सालय कल्पा के भवन व आवास भवन का निरीक्षण किया तथा निर्माणाधीन कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कल्पा में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन स्थल का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को भवन को निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करने को कहा। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कल्पा में बन रहे आइस स्केटिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया तथा लोक निर्माण विभाग को बचे हुए कार्य को इस वर्ष के अक्टूबर माह तक पूर्ण करने के आदेश दिए। उन्होंने सड़को के साथ लगती जमीनों के मालिकों की समस्याएं सुनीं व उनकी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व मंत्री ने कल्पा कंडा, दूनी कंडा व ख्वांगी-कोठी कंडा की सड़को का निरीक्षण किया तथा सड़कों की स्थिति को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कल्पा कंडा में बनने वाले मेडिटेशन सेंटर के स्थल का भी निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने अन्य कंडो का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को पर्यटन गतिविधियों को तलाशने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, बीडीसी ख्वांगी ललिता पंचारस, कल्पा ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम नेगी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य महेश नेगी, ग्राम कांग्रेस कमेटी ख्वांगी के अध्यक्ष विद्या देव नेगी, अनित नेगी, पूर्व उपप्रधान ख्वांगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दिनेश कुमार सेन, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अभिषेक शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश के बहुचर्चित 250 करोड़ के छात्रवृत्ति घोटाले में निजी शिक्षण संस्थान फर्जी दावे करते रहे और शिक्षा विभाग के अधिकारी इन दावों को सत्यापित करते रहे। सीबीआई की जांच में इसका खुलासा हुआ है। ईडी की ओर से गिरफ्तार चार आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ है। मामले में हर स्तर पर अनियमितताएं बरती गई हैं। आरोप हैं कि निजी शिक्षण संस्थान और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से छात्रवृत्ति का बजट जारी हुआ है। इन आरोपियों के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम-2002 के प्रावधानों के कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपियों की संपत्ति, बैंक खाते से लेनदेन, कैसे छात्रवृत्ति को इधर से उधर किया गया, इसे लेकर प्रवर्तन निदेशालय बारीकी से जांच कर रहा है। उल्लेखनीय है कि ईडी ने छात्रवृत्ति घोटाले में एएसएएमएस एजुकेशन ग्रुप के पार्टनर राजदीप जोसन और कृष्ण कुमार, केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट पंडोगा के उपाध्यक्ष हितेश गांधी और प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशालय की छात्रवृत्ति शाखा के तत्कालीन अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोप हैं कि निजी शिक्षण संस्थान ने फर्जी दस्तावेज पेश करके अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित विद्यार्थियों के लिए पोस्ट-मैट्रिक योजना में छात्रवृत्ति घोटाला किया। यह है मामला छात्रवृत्ति घोटाले में ईडी ने सीबीआई शिमला की ओर से दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की है। आरोप लगाया गया था कि राज्य शिक्षा विभाग, निजी संस्थान और बैंक अधिकारी 250 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति निधि के वितरण में बड़े पैमाने पर गलत विनियोजन में शामिल थे। इस मामले में सीबीआई और ईडी कई अधिकारियों और निजी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
प्रदेश के किन्नौर के निगुलसरी में बीती रात पूरा पहाड़ सड़क पर गिर गया। इसके बाद हिमाचल का ट्राइबल जिला किन्नौर पूरी तरह से देश-दुनिया से कट गया है। निगुलसरी में बीती रात 11:30 बजे पूरा पहाड़ हाईवे पर आ गया। इससे भारत-तिब्बत बॉर्डर को जोड़ने वाला चंडीगढ़-शिमला-किन्नौर नेशनल हाईवे-5 पूरी तरह बंद हो गया है। निगुलसरी में 150 से 200 मीटर सड़क का नामो निशां तक मिट गया है। इससे हाईवे के जल्दी बहाल होने की भी उम्मीद नहीं बची। हालांकि यहां बुधवार रात और गुरुवार को दोपहर के वक्त भी यहां लैंडस्लाइड हुआ था। आज सड़क बहाल होने का दावा किया जा रहा था। इस बीच बीती रात में तीसरी बार लैंडस्लाइड हुआ। इसके बाद अब किन्नौर जिला कई दिनों के लिए अलग-थलग पड़ गया है। सड़क किनारे फंसे सेब से लदे ट्रक हाईवे पर अब दोनों और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। सबसे ज्यादा परेशानी सेब बागवानों को हो रही है। किन्नौर जिले के निचले इलाकों में सेब की फसल तैयार हो गई है। ऐसे में सड़क बहाल नहीं होने तक बागवानों को सेब सड़ने का डर सताने लगा है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित महकमा सड़क की बहाली में जुट गया है। पिछले कल यहां दो सेब से लदी गाड़ियां दबीं निगुलसरी में पिछले कल भी लैंडस्लाइड के बाद सेब से लदी दो गाड़ियां पिकअप और ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। इससे 15 से 20 लाख रुपए का सेब भी बर्बाद हो गया। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लैंडस्लाइड के लिए पावर प्रोजेक्ट को दोषी मान रहे लोग किन्नौर के स्थानीय लोग बार-बार हो रहे लैंडस्लाइड के लिए पावर प्रोजेक्ट को दोषी ठहरा रहे हैं। जिस जगह बीती रात में लैंडस्लाइड हुआ है, उसके नीचे भी एनजेपीसी के नाथपा झाखड़ी प्रोजेक्ट की टनल बनी हुई है।
11 को नई दिल्ली में पीठासीन अधिकारियों तथा प्रतिनिधियों की बैठक में भी लेंगे भाग हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 11 सितंबर को नई दिल्ली में लोकसभा सचिवालय के सीपीए सेल द्वारा आयोजित 66वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने वाले पीठासीन अधिकारियों तथा प्रतिनिधियों की बैठक में भाग लेंगे। ब्रीफिंग बैठक में विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष के सचिव प्रकाश ठाकुर भी भाग लेंगे। गौरतलब है कि 30 सितंबर से 6 अक्तूबर तक अफ्रिका महाद्वीप के घाना देश के अकरा में 66वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है इसमें कुलदीप सिंह पठानिया भी भाग लेंगे।
सोलन की रहने वाली एक महिला ने सोलन थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि 7 सितंबर को जब वह अपनी ड्यूटी पर थी तो एक बाबा उनकी शॉप में आया और पैसे मांगने लगा। महिला ने उसे 5 रुपये दिए तो बाबा कहने लगा कि यह कम हंै। उसने 100 रुपये का नोट दिया, फिर बाबा ने आशीर्वाद के लिए इसके सिर पर हाथ रखा व संस्कृत में मंत्र पढ़ने लगा। महिला ने बताया कि उसे उस समय कुछ पता नहीं चला तथा बाबा जब वहां से चला गया तो उसके दाहिने हाथ की मीडल अंगुली में पहनी हुई सोने की अंगुठी गायब थी। अंगुठी की करीब 50000 रुपये है। शिकायत पर सोलन थाने में मामला दर्ज कर अन्वेषण शुरू किया गया और फरार बाबा के बारे में सभी थानों को सूचित किया गया। आरोपी बाबा सुखविंदर नाथ, निवासी संगरूर, पंजाब अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया था, जिसे परवाणू पुलिस ने इंटरसेप्ट किया और इसे गिरफ़्तार कर सदर थाने में मुक़दमा चलाया गया है। आरोपी से चोरी की गई सोने की अंगूठी भी बरामद कर ली गई है।
-हादसे में घायल 12 लोगों को ठियोग अस्पताल पहुंचाया -बस में 35 लोग थे सवार शिमला से चौपाल-नेरवा-थरोच रूट पर जाने वाली एचआरटीसी बस ठियोग के सैंज के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार बस में कुल 35 लोग सवार थे। हादसे में घायल हुए लगभग 12 लोगों को स्थानीय अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया है। बाकी सब सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
विहीप द्वारा संचालित श्री सत्यनारायण मंदिर में हुआ कार्यक्रम विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन उपलक्ष्य पर विहीप द्वारा संचालित ठाकुर श्री सत्यनारायण मंदिर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मेें सभी नगरवासियों ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विहीप जिला रामपुर के मिलन प्रमुख जोगिंदर शर्मा और बुशहर भजन मंडली रामपुर द्वारा बहुत ही मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इस उपलक्ष्य पर विहीप की स्थापना और विश्व भर में विश्व हिंदू परिषद और उसके सहायक संगठनों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी भी आम जनमानस को दी गई। कार्यक्रम के पश्चात रात्रि 12 बजे श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया।
-पर्व पर खुद को लोहे की जंजीरों से पीटते हैं गोगा भक्त -क्षेत्र की 150 पंचायतों में कल मनाया जाएगा यह धार्मिक उत्सव सिरमौर जिला के क्षेत्र गिरिपार में हिंदुओं के कई त्योहार अलग-अलग अंदाज में मनाए जाते हैं, इन्हीं में से एक है धार्मिक उत्सव गुगावल। इस पर्व पर भक्तों द्वारा खुद को लोहे की जंजीरों से पीटे जाने की धार्मिक परंपरा काफी खतरनाक व रोमांचक समझी जाती है। गोगा नवमी की पूर्व संध्या पर माड़ी कहलाने वाले गूगा मंदिरों में भक्ति गीतों के साथ शुरू होने वाला गुगावल पर्व नवमी की शाम सूरज ढलने तक मनाया जाता है। सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह, शिलाई व राजगढ़ की करीब 150 पंचायतों में गुगावल अथवा गोगा नवमी धार्मिक उत्सव कल मनाया जाएगा। हालांकि उपमंडल संगड़ाह के घाटों गांव में यह त्योहार 1 दिन पहले ही मनाया गया, जिसका कारण कल ग्रामीणों अथवा गोगा भक्तों का साथ लगते टिक्कर गांव में आयोजित होने वाले शांत धार्मिक अनुष्ठान के लिए जाना बताया जा रहा है।
हिमाचल के चंबा जिले में सिढ़कुंड माणी मार्ग पर बीती शाम बोलेरो गाड़ी खाई में गिरने से दादी-पोती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में ड्राइवर सहित आठ लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान सानवी (2) पुत्री यशपाल, मीमी देवी पत्नी रमेश और वीना पत्नी रोशन गांव राजपुरा (चंबा) के तौर पर हुई। गाड़ी गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचित किया। इसके बाद राहत व बचाव कार्य शुरू हुआ। देर शाम तक सभी को रेस्क्यू किया गया। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोग दवाट महादेव मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। सभी आपस में रिश्तेदार हैं। यह हादसा मंदिर से वापस लौटते के बाद टरियू मोड़ के समीप हुआ। एक महिला टांडा की रेफर घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य का चंबा में ही उपचार चल रहा है। विधायक नीरज नैयर भी अस्पताल पहुंचे सदर विधायक नीरज नैयर चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का कुशलक्षेम जाना। पुलिस के अनुसार हादसे में दो महिलाओं सहित एक बच्ची की मौत हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे में ये लोग हुए घायल घायलों में ममता पत्नी यशपाल, पूजा पत्नी सत्यानंद, मीनाक्षी पत्नी जीवन, अर्श पुत्र सत्यानंद, रूही पुत्री जीवन, दिव्यांश पुत्र जीवन, यशी पुत्री सत्यानंद और चालक जीवन पुत्र रमेश निवासी राजपुरा शामिल हैं।
केंद्र सरकार को भेजी 10 करोड़ रुपये की डीपीआर हिमाचल सरकार प्रदेश में तीन नए नर्सिंग कॉलेज खोलेगी। यह कॉलेज चंबा, हमीरपुर और जिला सिरमौर के नाहन में खोले जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने डीपीआर तैयार कर केंद्र को भेज दी है। तीनों नर्सिंग कॉलेज में आधारभूत ढांचा विकसित करने पर 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रति नर्सिंग संस्थान को 3 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि दी जानी है। वर्तमान में हिमाचल में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) और मंडी में दो ही सरकारी नर्सिंग कॉलेज हैं। जबकि नर्सिंग स्कूलों की संख्या 15 से ज्यादा है। प्रदेश सरकार ने नए खोले जाने वाले नर्सिंग कॉलेजों में 40-40 सीटें निर्धारित करने का फैसला लिया है। जैसे-जैसे आधारभूत ढांचा विकसित होगा। केंद्र सरकार से सीटें बढ़ाने की सिफारिश की जाएगी। हिमाचल में 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद बड़ी संख्या में छात्राएं नर्सिंग और मिडवाइफ के कोर्स कर रही हैं। निजी संस्थानों में नर्सिंग का कोर्स करने के लिए चार लाख रुपये से ज्यादा खर्च आता है। इसमें हॉस्टल, वर्दी व अन्य खर्चे भी शामिल हैं। हजारों की संख्या में छात्राएं यह कोर्स कर रही हैं। हालांकि सरकारी कॉलेजों फीस कम है। इसमें एक साल का खर्च करीब 70 हजार के पास रहता है। हिमाचल में नए नर्सिंग कॉलेज खुलने से कई और छात्राएं सरकारी संस्थानों में प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगी। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. सीता ठाकुर ने बताया कि हिमाचल में नए नर्सिंग कॉलेज खोलने के लिए 10 करोड़ रुपये की डीपीआर केंद्र को भेज दी गई है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में राजभवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल भी इसमें विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में शिमला के निकट ढली में विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। राज्यपाल ने कहा कि सुंदरनगर स्थित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान (कन्या) की तर्ज पर ढली स्थित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान को सरकारी अधिग्रहण में लिए जाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए ताकि यहां के शिक्षकों और स्टाफ को भी उचित सुविधाएं उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि गत दिवस उन्होंने इस संस्थान का दौरा किया और उन्हें यहां की विस्तृत जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा कि यहां अध्ययनरत बच्चों के लिए पर्याप्त स्टाफ की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विशेष रूप से सक्षम बच्चों का यह एकमात्र संस्थान है और यहां की विशेष आवश्यकताएं हैं। उन्होंने कहा कि अन्य आश्रमों में अपनाई जा रही पद्धति की तुलना इस संस्थान से नहीं की जा सकती। इनके प्रति सहानुभूतिपूर्ण रवैया अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिग्रहण में आने से यह संस्थान और सुदृढ़ होगा। इस अवसर पर डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि बाल विकास परिषद द्वारा बच्चों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं और विभाग के अधिकारियों द्वारा यहां नियमित रूप से निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर और ढली संस्थान की समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए जाएंगे।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निरंतर प्रयासों के बाद केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए औद्योगिक विकास योजना (आईडीएस) के वित्तीय परिव्यय में पर्याप्त वृद्धि करने को स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस वृद्धि से राज्य के उन उद्यमों को बड़ी राहत मिलेगी जिन्हें औद्योगिक विकास योजना के तहत उद्योग स्थापित करने के बाद सब्सिडी नहीं मिली थी। पूर्व अधिसूचित आईडीएस के अनुसार पहले 131 करोड़ रुपये का वित्तीय परिव्यय अनुमोदित किया गया था, जो लंबित देनदारियों को चुकाने के लिए अपर्याप्त था। इसके परिणामस्वरूप पात्र औद्योगिक इकाइयों के लिए सब्सिडी वितरण में देरी हो रही थी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अथक प्रयासों के बाद यह मामला केंद्रीय मंत्रिमंडल के समक्ष लाया गया और केंद्र सरकार ने अब हिमाचल और उत्तराखंड के लिए आईडीएस योजना तहत 1164.53 करोड़ रुपये के परिव्यय को मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि संशोधित आईडीएस योजना के तहत हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में विनिर्माण कार्योंं, जैव-प्रौद्योगिकी और जल विद्युत उत्पादन (10 मेगावॉट क्षमता) की इकाइयों को लाभ होगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में कहीं भी निर्माण और सेवा क्षेत्र में पर्याप्त विस्तार करने वाली सभी पात्र नई औद्योगिक इकाइयों और मौजूदा औद्योगिक इकाइयों को 5.00 करोड़ रुपये की ऊपरी सीमा के साथ संयंत्र और मशीनरी में निवेश के लिए क्रेडिट तक पहुंच के दृष्टिगत 30 प्रतिशत केंद्रीय पूंजी निवेश प्रोत्साहन (सीसीआईआईएसी) प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में सभी पात्र नई औद्योगिक इकाइयों और मौजूदा औद्योगिक इकाइयों को वाणिज्यिक उत्पादन-संचालन शुरू होने की तिथि से अधिकतम 5 वर्ष की अवधि के लिए भवन और संयंत्र और मशीनरी के बीमा पर 100 प्रतिशत बीमा प्रीमियम की प्रतिपूर्ति के लिए पात्र होंगे। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस बढ़े हुए परिव्यय से हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र का विकास होगा और राज्य सरकार, भारत सरकार के साथ लंबित मामलों के पूर्व-पंजीकरण को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाएगी और योग्य इकाइयों को शीघ्र धन जारी करना सुनिश्चित करेगी। उद्योग मंत्री ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर सृजित करने और क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर किया भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला मुख्यालयों में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने इस सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए देश मे पार्टी को विघटनकारी ताकतों के खिलाफ उनकी इस आवाज को बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जिस प्रकार संविधान से छेड़छाड़ कर देश का नाम बदलने तक का प्रयास कर रही है उसके विरुद्ध देश के लोगों को जागरूक करने के लिए राहुल गांधी की आवाज को बुलंद करना होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देश में बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, आपसी भाईचारे को बढ़वा देने, विभाजनकारी राजनीति व राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर गत वर्ष 7 सितंबर 2022 को देश में भारत जोड़ो यात्रा को शुरू किया था। उन्होंने इस दौरान 4080 किलोमीटर, 12 राज्यों, 2 केंद्र शासित राज्यों,देश के 75 जिलों व 76 लोकसभा क्षेत्रों से होकर 130 दिनों तक यह पदयात्रा की थी। प्रतिभा सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि देश आज गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं को एकजुट होकर राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने का आग्रह करते हुए कहा कि देश को कांग्रेस से बड़ी उम्मीदें है,जिन्हें उन्हें हर हाल में पूरा करना है। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ धनी राम शांडिल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का अपना इतिहास है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने राष्ट्र की एकता व अखंडता को कायम रखने के लिए कुर्बानियां दी है। उन्होने कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है। धर्म, जाती, क्षेत्रवाद के नाम पर लोगों को आपस मे लड़ाया जा रहा है। ऐसे समय मे भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम बहुत ही सराहनीय कदम रहा है। हम सब को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर आगे आना चाहिए। इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवम शिमला जिला के कार्यक्रम कॉर्डिनेटर केहर सिंह खाची ने सम्मेलन का संचालन करते हुए भात जोडो यात्रा कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए आये हुए कांग्रेसजनों का अभिनंदन किया। इस सम्मेलन में मुख संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंदर चौहान, उप महापौर उमा कौशल, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चिरन्जी लाल कश्यप, विनीत गौतम, आनंद कौशल, महासचिव अमित पाल सिंह, यशपाल तनाईक, अनिता वर्मा, जिला शिमला शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा, किसान कांग्रेस अध्यक्ष सोहन वर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव इंद्रजीत सिंह, प्रदीप वर्मा, ऊषा मेहता, जितेंद्र ठाकुर, सुरेश नागटा, भूपेंदर कंवर, गीतांजलि भागडा, ब्लॉक अध्यक्ष रोहड़ू करतार सिंह कुल्ला, कसुम्पटी के अध्यक्ष रामकृष्ण शांडिल, शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व उपमहापौर शशिशेखर चिन्नू, नगर निगम शिमला के सभी पार्षदगण, जिला परिषद सदस्य संतोष शर्मा सहित बनिता वर्मा, एस के सहगल, मेला राम शर्मा, सत्या वर्मा, कमलेश ठाकुर, इंदु राज, रुमा शर्मा, ब्रिंदा सिंह, वीर सिंह, नरेश, शेर कुमार, वीरेंदर जसवाल, बलदेव ठाकुर, संजीव शर्मा, बंसी ठाकुर, दिवाकर देव शर्मा, निर्मला वर्मा, कृष्णा जरियाल, दिक्सित जोक्ता, दलीप धीमान सुरेंदर देष्टा, कंवर रविंदर सिंह एवं कांग्रेस नेता, पदाधिकारीगण, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, एन एस यू आई, अनुसूचित जाति विभाग, किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस सम्मेलन में भाग लिया।
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में अभिभावक अध्यापक संघ (पीटीए) की आमसभा 9 सितंबर को महाविद्यालय प्रांगण में होना तय हुई है। महाविद्यालय प्राचार्य उपेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि इस आम सभा में वर्ष 2023-24 के लिए अभिभावक-अध्यापक संघ की कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा। अत: सभी अभिभावकों से अपील है कि वे इस सभा में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने पत्नी के साथ चनौर में ऐतिहासिक शिव मंदिर में नवाया शीश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के चनौर में ऐतिहासिक शिव मंदिर में शीश नवाया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए मंदिर के साथ अपने पुराने संबंध को साझा किया और कहा कि मुख्यमंत्री का पद संभालने से पहले भी वह यहां शीश नवाने के लिए अकसर आते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ब्यास नदी बेसिन और उसकी सहायक नदियों के किनारे क्रशर गतिविधियों पर प्रतिबंध के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने ऐसे कार्यों को रोकने का निर्णय आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत इस मॉनसून में भारी बारिश से उत्पन्न चुनौतियों के कारण लिया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के पर्यावरण संतुलन को बनाए रखनेे और राज्य के बुनियादी ढांचे को सुरक्षा प्रदान करना है। यह प्रतिबंध न केवल कांगड़ा बल्कि कुल्लू, मंडी और हमीरपुर जिलों में भी लागू है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से पर्यावरण संरक्षण और राज्य के लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के वन विश्राम गृह डाडासीबा में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर विधायक संजय रतन व होशियार सिंह, कांग्रेस नेता सुरेंद्र मनकोटिया, नरदेव कंवर, डॉ. राजेश शर्मा, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह 8 सितंबर से तीन दिवसीय दौरे पर रामपुर, आनी व करसोग विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान प्रतिभा सिंह इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भारी बारिश व भूस्खलन से प्रभाभित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष के राजनैतिक सचिव कांग्रेस महासचिव अमित पाल सिंह ने बताया कि प्रतिभा सिंह कल दोपहर बाद 2 बजे शिमला से रामपुर के लिए रवाना होगी। 9 सितंबर को प्रतिभा सिंह पोखरी व आनी में भूस्खलन प्रभाभित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। तत्पश्चात ग्राम पंचायत मोनोला नरेश और कलाशन मै भूस्खलन प्रभाभित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। इस दिन रात्रि विश्राम चिन्डी विश्राम गृह रहेगा। 10 सितंबर को प्रतिभा सिंह करसोग विधानसभा क्षेत्र के पानी पठार व सेरी कटिण्डा,माहूंनाग व गवालपुर के भूस्खलन क्षेत्रो का दौरा करेंगी व प्रभावित लोगों से मिलेगी। उसके पश्चात शिमला लौट आएगी।
21 सितंबर को आयोजित की जाएगी स्कॉलरशिप परीक्षा newus धर्मशाला द्वारा तीसरी उज्जवल भविष्य स्कॉलरशिप (यूबीएस 2023) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस वार्षिक स्कॉलरशिप प्रोग्राम में विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने वाले मेरिटोरियस छात्रों और स्नातकों को फीस माफी प्रदान की जाती है, जिसमें आईटी और गैर-आईटी क्षेत्र शामिल हैं। संस्थान के निदेशक दिनेश शर्मा ने बताया कि छात्र 50,000 रुपये तक की स्कॉलरशिप प्राप्त कर सकते हैं। कुल 25 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दी जाएगी। इस प्रोग्राम में Full Stack Software Engineering, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल डिजाइन और मार्केटिंग, बैंकिंग और वित्त, डेटा साइंस, डेटा और व्यापार विश्लेषण, ग्राफिक डिजाइन, वीएफएक्स और एनिमेशन शामिल हैं। कॉलेज में पढ़ते समय छात्र-छात्राएं इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं और इसके बाद ग्रेजुएशन के बाद 100 प्रतिशत इंटर्नशिप गारंटी और नौकरी के अवसर भी प्रदान किए जाते हैं। इसके अलावा यदि दो छात्र एक रक्त संबंध या किसी रिश्ते के साथ आवेदन करते हैं, तो उन्हें एक विशेष छूट भी हो सकती है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को newus धर्मशाला के पास फूड प्लाजा रेस्टोरेंट सिविल लाइंस धर्मशाला में एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ अपने 10वीं, 12वीं और आधार दस्तावेजों की प्रतियां साथ लानी होंगी। स्कॉलरशिप परीक्षा 21 सितंबर को आयोजित की जाएगी, और योग्यता सूची के आधार पर चयन के लिए व्यक्तिगत साक्षात्कार भी हो सकता है। अधिक जानकारी के लिए, आप newus धर्मशाला ऑफिस में संपर्क कर सकते हैं।
नरवाना एडवेंचर्स क्लब व आर्मी एडवेंचर्स विंग्स द्वारा संयुक्त रूप से नरवाना पैराग्लाइडिंग साइट पर नवंबर में आयोजित होने वाले पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप को लेकर आज चर्चा की गई। नरवाना एडवेंचर्स क्लब को AERO CLUB OF INDIA, FAI, PGAWC, ARMY ADVENTURE WINGS, HIMACHAL TOURISM से मान्यता मिली हुई है। आज साइट पर हुई चर्चा में एरो क्लब ऑफ इंडिया के ऑफिशल ऑब्जर्वर व टीम बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन, जिसमें मुख्य तौर पर सुरेश ठाकुर, परवीन ठाकुर, उमेश ठाकुर, चमेल दास, पंकज इत्यादि मौजूद रहे। इस मौके पर टीम नरवाना एडवेंचर्स क्लब के सभी पदाधिकारियों, सदस्यगणों में कपिल शर्मा (टिंकू), मुनीश कपूर, देश राज कपूर, सनी बड़जातिया, सुभाष कपूर, पंकज जमवाल, तुषार व समस्त स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं शिमला शहरी प्रभारी बृज भूषण बांश्टू और शिवम राणा ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी के विरोध में, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने, विभाजनकारी राजनीति व राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर गत वर्ष 7 सितंबर को देश में भारत जोड़ो यात्रा को शरू किया था। शिवम राणा ने कहा कि इस दौरान उन्होंने 4080 किलोमीटर की पैदल यात्रा, 12 राज्यों, 2 केंद्र शासित राज्यों, देश के 75 जिलों व 76 लोकसभा क्षेत्रों से होकर 130 दोनों तक वह यात्रा की थी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने आज भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर शेरे पंजाब के नजदीक मुहब्बत की दुकान खोलकर मजदूरों, राहगीरों व छोटे बच्चों को फल भी वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव बृज भूषण बांश्टू, शिवम राणा, विशाल नेगी, तरुण ब्राक्टा, विजय ठाकुर व हेम राज ठाकुर, शिमला शहरी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप चौहान, प्रदेश सचिव दलीप चौहान, सुपर शी जिला कुल्लू की संयोजक आंवला कश्यप,शिमला शहरी के पदाधिकारी रमन चौहान, गौरव खाची, अंकित शर्मा, मोहित शेखरी, रोहित कश्यप, उमित भारद्वाज, हितेष कुमार,सार्थक कोमल, लक्ष्य टैंक व अन्य युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
टीएचडीसीआईएल ने 4 सितंबर को अपने सम्मानित व्यवस्थापकों और निवेशकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें कंपनी के द्वारा इमीनेंट बांड जारी करने की तैयारी में पारदर्शिता और सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता जारी की गई। बैठक के दौरान कंपनी ने अपनी विकास संभावनाओं और वित्तीय स्थिति का व्यापक प्रस्तुतीकरण किया। इस बैठक के माध्यम से कंपनी के मूल्यवान व्यवस्थापकों और निवेशकों के साथ सार्थक बातचीत में शामिल होने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया गया, जिससे कंपनी की रणनीतिक दिशा की गहरी समझ को बढ़ावा मिला। इस बैठक में मुख्य सत्र जे बेहेरा, निदेशक (वित्त) के नेतत्ृव में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड टीम का व्यापक एवं उपयोगी विचार-विमर्श रहा। बेहेरा ने अपने संबोधन से टीएचडीसीआईएल की विस्तार रणनीतियों और क्रेडिट रेटिंग से संबंधित अनेक प्रश्नों का उत्तर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बातचीत कंपनी के बारे में अपने हितधारकों को पूर्ण रूप से संसूचित करने एवं कंपनी की वित्तीय रणनीतियों में उनके विश्वास को प्रोत्साहित करने की हमारी प्रतिबद्धता का उदाहरण प्रस्तुत करती है। बेहेरा ने बताया कि हमारी आगामी परियोजनाओं के चालू होने से कंपनी की क्रेडिट रेटिंग में उल्लखेनीय वृद्धि होने की आशा है। यह विकास हमारी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और हमारे निवेशकों को बेहतर मूल्य प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। इन चर्चाओं के अलावा, बैठक में आगामी बांड बोली प्रक्रिया के लिए शीघ्र तिथि निश्चित करने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। यह बैठक उत्पादनपरक बातचीत को बढ़ावा देने और कंपनी के वित्तीय दृष्टिकोण स्पष्टता जाहिर करने के लिए हमारे सक्रिय दृष्टिकोण र्का प्रतीक है। वहीं, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने बैठक की उपयोगिता पर बल देते हुए कहा कि अपनी कमीशन की गई परियोजनाओं के उत्कृष्ट अनुरक्षण के साथ-साथ विद्युत परियोजना का विकास हमारी मुख्य शर्त है।
पूर्व उद्योग मंत्री व भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने केंद्र द्वारा हिमाचल व उत्तराखंड को मिले औद्योगिक विकास योजना 2017 के अंतर्गत 1163.54 करोड़ रु स्वीकृत किए जाने पर प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया और कहा कि जहां केंद्र सरकार समय-समय पर हिमाचल के विकास के लिए कार्य कर रही हैं वहीं हिमाचल की सुखु सरकार आपदा में जनता की कमर तोड़ने वाले निर्णय ले रही है। बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की सरकार जब से सत्ता में आई है तब से निरंतर हिमाचल वासियों पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कल ही अखबार के माध्यम से सीमेंट बैग पर 15 रुपए बढ़ाए जाने कि खबर प्रकाशित हुई हैं, जो कि एक अन्याय पूर्ण फैसला है। जहां प्रदेश में लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए, सड़कें, डंगे टूट गए उनको रिस्टोर करने में जहाँ सीमेंट की आवश्यकता पड़ेगी ऐसे में उसके मूल्य को बढ़ाना कहाँ तक तर्कसंगत हैं। उन्होंने कहा उचित मूल्य की दुकान (डिपु )से बीपीएल व एपीएल लोग राशन लेते हैं जिनकी इस आपदा के कारण पहले ही स्थिति खराब हो चुकी हैं। ऐसे में राशन के दामों में बढ़ोतरी करना कितना न्यायोचित है। उन्होंने कहा सस्ते राशन के डिपुओं में दालें महंगी हो गई हैं। 2 माह बाद डिपुओं में पहुंची दालों के दामों में अंतर आया है। एनएफएस यानी बीपीएल व एपीएल उपभोक्ता के लिए माह की दाल में सीधे 5 रुपए की बढ़ौतरी हुई है, वहीं मलका की दाल में एक रुपए का अंतर आया है। सितम्बर महीने में बी.पी.एल. व एनएफएस उपभोक्ताओं को माह की दाल 63 रुपए में मिलेगी, वहीं एपीएल उपभोक्ताओं को 73 और एपीएलटी उपभोक्ताओं को 98 रुपए में मिलेगी। इसी तरह बीपीएल व एनएफएस उपभोक्ताओं को मलका की दाल 54 रुपए मिलेगी। एपीएल उपभोक्ताओं को 64 और एपीएलटी उपभोक्ताओं को 89 रुपए में मिलेगी। इससे पहले अगस्त माह में प्रदेश के अधिकतर डिपुओं में दालें नहीं पहुंच पाई थीं। डिपुओं में इस बार दाल चना 16 रुपए अधिक महंगी होगी। आपदा के समय दालों में जो मूल्यांवृद्धि हुई हैं जोकि हिमाचल की जनता के साथ धोखा है। इस बढ़ोतरी को भी सरकार को तुरंत प्रभाव से वापस लेना चाहिए।
रोटरी सोलन ने आज क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 7 नवजात शिशुओं (6 लड़कियों और 1 लड़के) को 1100 शगुन और आरटीएन भानु शर्मा के सौजन्य से नवजात किट और नवजात शिशुओं के लिए डायपर और माताओं के लिए खाने की सामग्री के रूप में अन्य उपहार देकर स्वागत किया। इस अवसर पर रोटरी के अध्यक्ष एमपी कंवर और आरटीएन विजय दुग्गल के अलावा रोटेरियन बीसी सहगल, डॉ. कमल अटवाल, भुवनेश विजय, सूरज गुप्ता, एसडी रतन और आरटीएन महेश गंभीर भी मौजूद रहे। आरटीएन एमपी कंवर ने इस कार्य के लिए माता-पिता और रोटरी सोलन के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने जन्माष्टमी के पवित्र अवसर पर अपने बेटे का जन्मदिन इस अनूठे अंदाज में मनाने के लिए और आरटीएन भानु शर्मा की सराहना की।
किन्नौर जिला के निगुलसरी के पास गुरुवार सुबह एनएच से गुजर रही पिकअप वाहन पर चट्टान आ गिरी, जिससे वाहन में लदे सेब पूरी तरह सडक़ पर बिखर गए। इस दौरान कई घंटो तक एनएच बंद रहा, जिसे बाद में एनएच प्राधिकरण द्वारा खोल दिया गया। सतीश जोशी कनिष्ट अभियंता एनएच प्राधिकरण ने बताया कि सडक़ मार्ग बहाल होने के बाद सभी वाहनों की आवाज शुरू हो गई है।
हथियारों की इतनी बड़ी खेप से कांगड़ा पुलिस अलर्ट कांगड़ा जिले में टांडा रोड पर हथियार और नशीली दवाइयां मिली हैं। दो बैग मिलने से कांगड़ा पुलिस अलर्ट हो गई है। हथियारों की इतनी बड़ी खेप मिलने से पुलिस भी हैरान है। दो बैग पुलिस को टांडा रोड पर शिव मंदिर के साथ मिले हैं। शिव मंदिर टांडा मेडिकल कॉलेज के करीब है। पुलिस ने दोनों बैग बरामद कर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया है। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस कर्मी रूटीन गश्त कर रहे थे। इस दौरान जब टांडा रोड पर शिव मंदिर में जल चढ़ाने गए, तो मंदिर के पीछे उन्होंने दो बैग देखे। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। बैग में तीन देसी कट्टे, 40 राउंड, दो चाकू, एक खाली मैगजीन और 5250 अलपराज की गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्नान के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचे श्रद्धालु भारत की पवित्र एवं पावन मणिमहेश यात्रा आज से शुरू हो गई है। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आज डल झील में शाही स्नान किया। दोपहर बाद 4:15 तक शाही स्नान का शुभ मुहूर्त था। इस यात्रा के लिए श्रद्धालुओं के जत्थे चंबा के भरमौर से मणिमहेश को रवाना हो गए हैं। आज से शुरू हुई मणिमहेश यात्रा 23 सितंबर तक चलेगी। इस यात्रा के लिए देशभर व नेपाल से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं और डल झील में डुबकी लगाते हैं। इस बार यह यात्रा ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात के बीच हो रही है। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान ठंड का सामना करना पड़ेगा। जन्माष्टमी पर हुई शुरुआत मणिमहेश मंदिर के पुजारी पंडित विपिन शर्मा के मुताबिक इस बार जन्माष्टमी का छोटा न्हौण 6 सितंबर दोपहर 3:38 बजे शुरू हुआ, जो 7 सितंबर शाम 4:15 बजे तक रहा। छोटे न्हौण के बाद मणिमहेश यात्रा शुरू हो गई है। राधाष्टमी का बड़ा स्नान 22 सितंबर को दोपहर बाद 1:36 बजे शुरू होगा और 23 सितंबर दोपहर 12:18 बजे तक चलेगा। स्ष्ठरू एवं मणिमहेश न्यास सचिव कुलवीर सिंह राणा ने यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे अपना पंजीकरण जरूर करवाएं और प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के यह जरूरी है।
प्रदेश में 4700 प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती का फैसला 14 सितंबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में हो सकता है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संदर्भ में प्रस्ताव बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। वाईएस परमार ऋण योजना और राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल योजना को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने अपडेट लिया। नए शिक्षा सचिव राकेश कंवर समेत विशेष सचिव पंकज रॉय और शिक्षा निदेशकों डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा व घनश्याम चंद के साथ मंत्री रोहित ठाकुर ने सचिवालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान शिक्षा विभाग से जुड़े मामलों की जानकारी समय रहते एकत्र करने को भी कहा। 14 सितंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित जाने वाले प्रस्तावों को जल्द तैयार करने को कहा गया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती को लेकर सरकार पूरी तरह से गंभीर है। केंद्र सरकार सहित एनसीटीई से भी इस भर्ती को लेकर जानकारियां जुटाई है। पड़ोसी राज्यों में हुई प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती का ब्योरा भी एकत्र किया गया है। अब कैबिनेट को भर्ती से संबंधित विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। शिक्षा मंत्री ने आर्थिक तौर पर कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए शुरू की जाने वाली डॉ. वाईएस परमार ऋण योजना की समीक्षा भी की। राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण में भी तेजी लाने को कहा।
हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार फिर अटक गया है। विधानसभा के इस मानसून सत्र में भी मंत्रियों के तीन पद खाली रहने वाले हैं। अब विधानसभा के शीत सत्र तक ही नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अलावा आठ मंत्री हैं। सीएम सहित मंत्रिमंडल में कुल 12 सदस्य हो सकते हैं। सुक्खू मंत्रिमंडल में विस्तार के बारे में पिछले कई महीनों से पहेलियां चल रही हैं। Trending Videos सुक्खू जब-जब दिल्ली जाते हैं, तब-तब यह चर्चा छिड़ती रही है कि कभी भी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।हालांकि, मुख्यमंत्री सुक्खू इस बारे में अभी पत्ते नहीं खोल रहे हैं। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद भी एकदम से मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं किया। सबसे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 11 दिसंबर को शपथ ली। उसके बाद करीब एक माह के सस्पेंस के बाद आठ जनवरी को सात मंत्रियों धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह और विक्रमादित्य सिंह को शपथ दिलाई गई। इन मंत्रियों के शपथ लेने के बाद अभी तक तीन मंत्रियों के पद खाली रखे गए हैं। अनेक बार इसकी चर्चा हुई है कि बिलासपुर जिले के घुमारवीं से राजेश धर्माणी को मंत्री बनाया जा सकता है। इनके अलावा कांगड़ा जिले से भी दो और मंत्री बनाए जाने की चर्चा होती रही है। पर अभी तक कोई निर्णय नहीं हो सका है। पहले माना जा रहा था कि मानसून सत्र से पहले तीन और मंत्री हिमाचल प्रदेश को मिल जाएंगे, मगर अब ऐसा लग रहा है कि मामला फिर आगे सरक गया है। अब शीत सत्र से पहले या फिर लोकसभा चुनाव से पहले राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना है। अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें
प्रदेश सरकार की ओर से रद्द किए गए स्टाफ सिलेक्शन कमिशन के भीतर हुए पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी उमा आजाद को जिला एक केस में कोर्ट से जमानत मिल गई, लेकिन दूसरे मामले में वह 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है। इस कारण अभी वह बाहर नहीं आ पाएंगी। इसके अलावा दो अन्य आरोपी निखिल और संजीव को जमानत मिल गई है। ये दोनों अब बाहर आ सकेंगे। बुधवार को तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जिसमें एक मामले 4 / 22 में आरोपी उमा आजाद और निखिल आजाद को एक-एक लाख मुचलके पर जबकि आरोपी संजीव को 50,000 के मुचलके पर कोर्ट ने जमानत पर रिहा किया। अब पेपर लीक अलग-अलग मामलों में आरोपी उमा आजाद और नितिन अभी तक न्यायिक हिरासत में है उनकी न्यायिक हिरासत 20 सितंबर तक है उसके बाद विजिलेंस की एसआईटी टीम की ओर से उन्हें कोर्ट में पेश किया जाना है। आरोपी उमा आजाद निखिल और संजीव को कोर्ट में पेश किया गया जहां से एक मामले में उन्हें जमानत मिल गई है जबकि ऑक्शन रिकॉर्डर मामले में आरोपी उमा आजाद न्यायिक हिरासत पर हैं। आरोपी नितिन ने हाई कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है।
नाले में सेब फेंकने के मामले में हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने रोहड़ू के बलासन निवासी बागवान यशवंत को एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। बोर्ड के अनुसार 30 जुलाई को नाले में सेब फेंकने का मामला प्रकाश में आया था। इसमें कुछ लोग नाले में सेब फेंकते हुए पाए गए। इस संबंध में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से बागवान को 10 और 24 अगस्त, 2023 को नोटिस भी जारी किए। लेकिन बागवान की ओर से बोर्ड के नोटिस का जवाब न देने पर प्रदूषण नियंत्रण एक्ट और एनजीटी के आदेशों की अवहेलना करने पर यह कार्रवाई की गई है। पर्यावरण क्षतिपूर्ति के रूप में यह जुर्माना लगाया गया है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रदेश के शक्तिपीठों श्रीनयना देवी, चिंतपूर्णी, ज्वालाजी, बज्रेश्वरी और चामुंडा मंदिर के लिए 15 फीसदी कम किराये पर बसें चलाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इस पहले पायलट प्रोजेक्ट पर चलाया जाएगा। परिणाम सही रहे तो शक्तिपीठों के लिए रूट भी तय होंगे। बसों में सवारियां पूरी होनी चाहिए। सचिवालय में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि 15 साल पुरानी 114 सरकारी गाड़ियों की आरसी खत्म कर दी गई है। निजी वाहनों पर अभी फैसला नहीं लिया गया है। अग्निहोत्री ने कहा कि परिवहन निगम के 7,300 कर्मचारियों व अधिकारियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी बसों के भीतर और बाहर भी विज्ञापन लगेंगे। उन्होंने कहा कि लोग अब घर बैठे ऑनलाइन लाइसेंस बनवा सकेंगे। इंटरनेशनल लाइसेंस बनाने की शक्तियां निदेशालय के अलावा अब आरटीओ और एसडीएम को भी दी गई हैं। लोग वीजा और पासपोर्ट दिखाकर लाइसेंस बनवा सकेंगे। हिमाचल में बिना टैक्स आने वाली बसों पर जुर्माना लगेगा। एक दिन का पांच हजार, सप्ताह का 25 हजार और महीने के 75 हजार रुपये वसूले जाएंगे। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला के लिए मजदूरों को लेकर बाहरी राज्यों से बसें आती हैं। इनका एक महीने तक चालान नहीं होगा। इन पर टैक्स लगाने के लिए उद्योग, परिवहन और ट्रांसपोर्टरों की बैठक होनी है। 1100 नंबर के साथ जुड़ा निगम का हेल्पलाइन उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निगम का हेल्पलाइन नंबर सीएम हेल्पलाइन नंबर 1100 के साथ जोड़ दिया है। किसी भी क्षेत्र में बसें नहीं आती हैं, बस खराब हो गई या बसें चलाने की जरूरत है या परिवहन निगम से शिकायत व सुझाव देने हैं, तो इस नंबर पर दे सकेंगे। राज्य से बाहर के लिए टोल नंबर 1800-180-8185 नंबर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग ने इस साल 775 करोड़ रुपये कमाई का लक्ष्य रखा था। इसे बढ़ाकर एक हजार करोड़ किया गया है। व्यापारी बसों में भेजते है सामान, इसलिए टिकट किया अनिवार्य व्यापारी बसों में सामान भेजते हैं। कभी चालकों व परिचालकों के पास लिफाफा पकड़ा देते हैं तो कभी किसी के पास सामान भेज देते हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सवारियों पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जो व्यापारी बसों में सामान भेजते हैं, उनका सामान लाने और ले जाने का टिकट लगेगा। सड़क सुरक्षा को लेकर करोड़ों की राशि आवंटित सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न विभागों को करोड़ों की राशि आवंटित की गई है। सड़क सुरक्षा की जानकारी देने के लिए प्रति कॉलेज को 30-30 हजार, प्रति सीनियर स्कूलों के लिए 10 हजार, स्वास्थ्य विभाग को कार्यशाला लगाने के लिए 12 लाख, पुलिस विभाग को 8 करोड़ 40 लाख, लोक निर्माण विभाग को ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने के लिए 9 करोड़ और एचआरटीसी को पांच क्रेन खरीदने के लिए 1 करोड़ 75 लाख रुपये दिए हैं।
समेकित बाल विकास परियोजना सोलन की अनुश्रवण समिति, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा पोषण अभियान-2 की खंड स्तरीय बैठक का आयोजन आज यहां उपमंडलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। कविता ठाकुर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विभाग द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ज़िला में पोषण स्तर वर्गीकरण के दौरान अतिकुपोषित बच्चों को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में चलाए जा रहे डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेशन सेंटर में स्वास्थ्य जांच और परामर्श के लिए लाया जाए ताकि जिला को कुपोषण रहित बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पूरक पोषाहार कार्यक्रम के तहत सोलन खंड में 6 माह से 3 वर्ष के 3447 बच्चों, 3 से 6 वर्ष तक के 639 बच्चों व 1253 माताओं को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शालापूर्व शिक्षा कार्यक्रम के तहत 3 से 6 वर्ष के 639 बच्चों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोषण स्तर के वर्गीकरण के दौरान सोलन खण्ड में 6984 बच्चों का वज़न मापा गया। इसमें से 6780 बच्चों का वजन सामान्य पाया गया जबकि 178 बच्चों का वज़न मध्यम और 26 बच्चे अतिकुपोषित पाए गए। उन्होंने कहा कि सोलन खण्ड में मार्च तक बाल मृत्यु दर 11.28 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि सोलन खण्ड में एक वर्ष तक के सभी बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा सभी लाभार्थियों की चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य जांच की जा रही है तथा लाभार्थियों के लिए विशेष शिविर का आयोजन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सोलन खण्ड में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत 1.02 लाख रुपए की राशि, विधवा पुर्नविवाह योजना के अंतर्गत 65 हजार रुपए, मटर टेरेसा योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपए तथा शगुन योजना के अंतर्गत 3.72 लाख रुपए की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के अंतर्गत संरक्षण अधिकारियों के पास 55 शिकायतें प्राप्त हुई हंै। इन पर नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान 2.0 के तहत पोषण माह का आयोजन, सामुदायिक आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कविता ठाकुर ने कहा कि सोलन विकास खंड में प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र में ग्राम पंचायत स्तर पर बेटी जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में अवगत करवाया गया कि सोलन विकास खंड में इस अवधि में दहेज प्रतिरोधक अधिनियम, 1961, अनैतिक देह व्यापार निषेध अधिनियम, 1956 के तहत कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। हिमाचल प्रदेश विवाह पंजीकरण अधिनियम, 1996 के विषय में विभिन्न जागरूकता शिविरों में लोगों को अवगत करवाया जा रहा है। बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन कविता गौतम ने विभाग द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की गतिविधियों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक सोलन अनिल धोलटा एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने सुलह विधानसभा क्षेत्र में आपदा प्रभावित बच्छवाई गांव का किया दौरा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला में सुलह विधानसभा क्षेत्र के तहत बच्छवाई और परमार नगर में भारी बारिश से हुई क्षति का जायजा लिया। बच्छवाई में भूमि धंसने के कारण नौ परिवार प्रभावित हुए हैं और कृषि भूमि और संपर्क मार्ग को नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों और राहत शिविर में शरण लेने वालों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को छह मरला भूमि आवंटित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुलह में परमार नगर का दौरा भी किया। इस क्षेत्र में आपदा से 19 परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने प्रभावित परिवारों को 6-6 मरला भूमि प्रदान करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल और आशीष बुटेल, विधायक यादविंद्र गोमा, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी ग्रामीण एवं कृषि विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान, पूर्व विधायक जगजीवन पाल, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल और अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कहा- भारत के नाम से घमंडिया विपक्ष की आपत्ति औचित्यहीन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इंडिया की जगह भारत लिखने पर घमंडिया विपक्ष के द्वारा अनावश्यक शोर-शराबा करने पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दा विहीन है औरऔचित्यहीन बातें कर रहा है। विपक्ष के लोग सिफ़र् हर काम के लिए सरकार की आलोचना कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने में घमंडिया गठबंधन देश की जन भावना का भी सम्मान नहीं कर रही है। भारत हमारे देश का आदिकाल से नाम है। हज़ारों वर्षों की परंपरा में इसका स्पष्ट उल्लेख मिलता है। नेता प्रतिपक्ष ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह बात कही। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारे देश का नाम भारत था। हमारे देश का नाम हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, हमारी विरासत का अभिन्न हिस्सा है। भारत सरकार द्वारा 'इंडियाÓ की जगह 'भारतÓ लिखने पर घमण्डिया गठबंधन का विरोध औचित्यविहीन और तर्कहीन हैं। उन्होंने कहा सरकार का यह कदम स्वागत योग्य है। यह हर्ष का विषय है। देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसी मांगे पहले से उठ रही थी। जिस पर सरकार ने कदम आगे बढ़ाया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा पिछले नौ सालों में विकास के ऐतिहासिक काम किए हैं। पारदर्शिता के साथ भ्रष्टाचार रहित सरकार चलाकार देश को आज दुनिया की अग्रणी देशों में भारत को स्थापित किया है। इसलिए विपक्ष के पास सरकार के विरुद्ध आवाज़ उठाने का एक भी मुद्दा नहीं है। इसीलिए एक दूसरे को फूटी आंखों ने सुहाने वाले नेताओं के साथ मिलकर सिफ़र् नरेंद्र मोदी के विरोध की राजनीति की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश के लोग सब जानते हैं। आने वाले लोकसभा के चुनावों में देश के लोग घमंडिया गठबंधन को जवाब देंगे। एनडीए गठबंधन, पिछली बार से भी ज़्यादा सीटों के साथ प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को दुनियां की तीन बड़ी अर्थव्यस्था में स्थापित करेगा।
जिला स्तरीय नेत्र देखभाल पखवाड़े के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से बुधवार को एक कार्यक्रम का आयोजन आईटीआई सेराथना में किया गया। इसमें जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर वंदना ने बच्चों को नेत्रदान पखवाड़े में आंखों की देखभाल और नेत्रदान के बारे में बच्चों को जानकारी दी और बताया की आंखें हमारे लिए बहुमूल्य हैं, हमारे जीवन में आंखों का बहुत महत्व है। इसलिए हमें अपनी आंखों की साफ-सफाई रखना जरूरी है आंखों को किसी भी संक्रमण या चोट से बचा के रखना चाहिए कई कामों में जैसे वेल्डिंग है या जहां पर बहुत ज्यादा तेज लाइटों में काम करना पड़ता है। अपनी आंखों में चश्मा और शील्ड लगाकर काम करना चाहिए हमारी आंखों की रोशनी बाधित हो सकती है। इसके लिए हमें आंखों की देखभाल करनी चाहिए आंखों में कोई भी तकलीफ होने पर डॉक्टर को दिखाना चाहिए तथा तथा समय-समय पर हमें अपनी आंखों की जांच करवानी चाहिए। शुगर की बीमारी होने पर नियमित आंखों की जांच करवानी चाहिए और भी आंखों में तकलीफ होने पर या फिर देखने में कोई धुंधलापन हो आंखों की जांच करना जरूरी है। वहीं, नेत्रदान के लिए संकल्प करके हमें अपनी आंखों का दान करना चाहिए और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि हमारी आंखें हमारे मरने के बाद भी भी देख सके और किसी दूसरे को दूसरों को रोशनी दे सके इसके लिए कहीं भी आई बैंक या आई अस्पताल में अपने जीते जी अपनी आंखें दान करने के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं परिवार के सदस्यों को भी सूचना दे सकते हैं। जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारीजगदंबा मेहता ने आंखों की देखभाल कैसे करनी है हमारी आंखें कैसे स्वस्थ रह सकती हैं इसमें हमें विटामिन युक्त पीले फ्रूट सब्जियां गाजर आदि का सेवन नियमित करना चाहिए, जिससे आंखों की रोशनी और आंखों में होने वाले रोग से बचा जा सके ऐसे अपने आंखों की साफ सफाई रखनी है। आंखों में दिक्कत होने की डॉक्टर को दिखाना है। बढ़ती उम्र में मोतिया ग्लूकोमा के लिए आंखों का चेकअप जरूर करें और सभी लोगों को नेत्रदान के लिए सामुदायिक स्तर पर लोगों से बात करने और प्रेरित करने के लिए बच्चों को बताया लगभग 12 मिलियन लोगों को कॉर्निया के खराब होने से अंधापन है। उसे अंधेपन को हम दोबारा रोशनी में बदल सकते हैं अगर हम नेत्रदान करते हैं लाखों लोगों में सिर्फ हजारों लोग ही कार्निया का प्रत्यारोपण करवा पाते हैं बाकी लोग वंचित रह जाते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान करने के लिए प्रेरित करना है और आंखों की देखभाल करनाबहुत आवश्यक है! बहुत ज्यादा समय कंप्यूटर पास बैठकर बैठना पड़ता हो तो उसे किसी भी प्रकार की आंखों की समस्या हो सकती है। जांच करवानी चाहिए, उन्होंने आगे बताया की आजकल बच्चे अधिकतर समय स्क्रीन पर रहते हैं, कारणवश जायदा समय कंप्यूटर या मोबाइल पर गुजारना पड़ता है। बीच-बीच में आंखों को विश्राम जरूर दें। उन्होंने नेत्रहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी नेत्रदान के द्वारा ही की जा सकती इसलिए खुद भी नेत्रदान करें और लोगों को भी जागरूक करें इस मौके पर भाषण प्रतियोगिता आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने आंखों की देखभाल और आंखों के संक्रमण के बारे में चर्चा की विजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया है। इस मौके पर आईटीआई के प्रिंसिपल प्रीति सिंह तथा आईटीआई का स्टाफ की मौजूद रहे।
राजकीय महाविद्यालय संजौली में 5 सितंबर को मेजर ध्यानचंद जयंती मनाई गयी। 29 सितंबर को मनाई जाने वाली इस जयंती का आयोजन 5 सितंबर को हिमाचल प्राकृतिक आपदा के कारण हुआ। इसमें शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालय के प्रांगण में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य भारती भागड़ा के आगमन के साथ हुआ। इस प्रतियोगिता में बीए प्रथम, द्वितीय, तृतीय वर्ष के छात्र छात्राओं में प्रतिस्पर्धा करवाई गई। महाविद्यालय के प्रांगण में बैठे सभी विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं का आनंद लिया। सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में बीए तृतीय वर्ष के छात्र तथा महिला वर्ग में बीए द्वितीय वर्ष की छात्राएं विजय रही। प्रतियोगिता का सबसे मनोरंजनवर्धक पल महाविद्यालय के शिक्षकों का वॉलीबॉल का मैच रहा, जिसमें पुरुष व महिलाओं दोनों ने भाग लिया महाविद्यालय के शिक्षकों की दो टीमे बनाई गयी। शिक्षकों का मैच काफी रोमांचक रहा। प्राचार्य ने शारीरिक शिक्षा विभाग की सराहना करते करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन मनोरंजन के साथ साथ तनाव मुक्ति व शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देते हैं। महाविद्यालय में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का होना हर्ष का विषय है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय चंद्रौण को उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने की घोषणा की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला में जयसिंहपुर और सुलह विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और राहत तथा पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के नेत्रु गांव में प्रभावित परिवारों से बातचीत की। नेत्रु गांव में भारी बारिश के कारण कई मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने इन परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने देहरू और कोसरी गांव में पहाड़ी में दरार आने के कारण हुए नुकसान का जायजा भी लिया और जिला प्रशासन को प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित हुए परिवारों के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय माध्यमिक विद्यालय चन्द्रौण में डंगा ढहने से हुए नुकसान का जायजा लिया तथा इसकी मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने इस विद्यालय को अगले शैक्षणिक सत्र से उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने की घोषणा भी की। उन्होंने सियारा कुडाणा में भारी बारिश और भू-स्खलन के कारण हुए नुकसान का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सभी उपायुक्तों को ग्राम पंचायतों में वार्ड आधार पर आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे प्रभावित बढ़ी हुई मुआवजा राशि प्राप्त करने के लिए पात्र होंगे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज तैयार किया है। इसमें प्रभावितों को प्रदान की जाने वाली मुआवजा राशि को बढ़ाया गया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में पक्के मकान के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर 12,500 रुपये और कच्चे मकान के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने के 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती थी। प्रदेश सरकार ने इस भीषण त्रासदी के दृष्टिगत इस राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। मुख्यमंत्री ने न्यूगल खड्ड में भारी बाढ़ के कारण पपरोला पुल को हुए नुकसान का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर लोक निर्माण विभाग को इस स्थान पर नया पुल बनाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली, विधायक यादविंद्र गोमा, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी ग्रामीण एवं कृषि विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रदेश व देशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई व शुभकामनायें दी हैं। अपने संदेश में कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी देश तथा प्रदेशवासियों के लिए एक महापर्व है, जिसे लोग बड़े हर्षोउल्लास, श्रद्वाभाव तथा आस्था से मनाते हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का यह पर्व श्रावण मास के कृष्ण पक्ष के 8वें दिन मनाया जाता है तथा यह पूरे भारतवर्ष में हिंदुओं के लिए भक्ति, एकता तथा आघ्यात्मिक ज्ञान का प्रतीक है। यह उत्सव हिंदुओं के लिए बहुत खुशी का स्त्रोत है, जिसमें जीवंत उत्सव और सार्थक परंपराएं शाामिल हैं। इस अवसर पर पठानिया ने सभी के सुखद तथा समृद्व जीवन की कामन करते हुए भगवान कृष्ण द्वारा स्थपित आदर्शों तथा उत्कृष्ट परंपराओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया है।
कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर चमकने वाले अर्ध चंद्रमा का एक सुंदर अभिप्राय है कि यह वास्तविकता के व्यक्त और अव्यक्त दोनों आयामों, दृश्य भौतिक क्षेत्र और अदृश्य आध्यात्मिक क्षेत्र के मध्य सही संतुलन का प्रतिनिधित्व करता है, जो भगवान कृष्ण के दोनों लोकों के स्वामित्व को दर्शाता है। हम जिस युग में रह रहे हैं उसके लिए उनकी शिक्षाएं अद्वितीय और अति प्रासंगिक हैं। वे न तो आपको भौतिक गतिविधियों में डूबने देती हैं और न ही आपको पूरी तरह से उदासीनता की ओर ले जाती हैं। जब हम यह उत्सव मनाते हैं, तो हम प्रकृति में बिल्कुल विपरीत लेकिन पूरक गुणों को आत्मसात करते हैं और उन्हें प्रकट करते हैं। यह एक ऐसा कौशल है जो हमें उस कमल की तरह बनाता है जो कीचड़ में उगता तो है फिर भी जिसकी पत्तियां शुद्ध और कीचड़ से अछूती रहती हैं। कृष्ण का अर्थ है, वह जो सबसे मोहक और आकर्षक है, अर्थात स्वयं आत्मा। राधे-श्याम, व्यक्ति के अनंत से मिलन का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रत्येक प्राणी की आत्मा ही कृष्ण है। जब हम अपने अपने वास्तविक स्वरूप में बस जाते हैं, तो हमारा व्यक्तित्व खिल उठता है, हमारे भीतर कौशल विकसित है और जीवन में प्रचुरता आती है। कृष्ण को माखन चुराने के लिए जाना जाता है। इस रूपक का क्या अर्थ है? मक्खन वह है जो आपको किसी प्रक्रिया के अंत में मिलता है; दूध पहले दही बनता है, फिर उसे मथकर मक्खन प्राप्त किया जाता है। इसी तरह, जीवन में कई घटनाओं के माध्यम से मंथन की प्रक्रिया होती है। लेकिन अंत में जब मंथन समाप्त हो जाता है, तो हमें मक्खन अर्थात हमारे भीतर की पवित्रता प्राप्त होती है। भगवान कृष्ण के जन्म का उत्सव मनाने का पूरा सार, प्रतिकूल और अनुकूल दोनों परिस्थितियों में संतुलन बनाये रहना, प्रसन्न, केंद्रित और आनंदित रहना है। जब जीवन में सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा हो तो आप एक बड़ी मुस्कान रख सकते हैं, लेकिन यदि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी आप अपनी मुस्कान बनाए रख सकते हैं, तो आपको समझना चाहिए कि आपने जीवन में कुछ अद्भुत प्राप्त कर लिया है। यह तो हम कृष्ण के दृष्टिकोण से ही सीखते हैं! वे एक पैर धरती पर टिकाकर और दूसरा पैर धरती से ऊपर उठाकर खड़े हैं; जीवन में नृत्य तभी घटित हो सकता है। यदि आपके दोनों पैर भूमि पर टिके हुए हैं तो नृत्य नहीं हो सकता। यदि आपका मन हर समय सांसारिक चिंताओं में डूबा रहता है, तो आप नृत्य कैसे कर सकते हैं? साक्षी बनें। जब आप बिना लालसा या द्वेष के मन में अशांति को देख पाते हैं, तो आप उससे ऊपर उठ सकते हैं। इसलिए जब आप पछतावे और चिंताओं से परेशान हों, तो यह सोचने के बजाय कि यह कैसे नहीं होना चाहिए था, आपको बस समर्पण करने की आवश्यकता है। तब आप कृष्ण की तरह जीवन के उतार-चढ़ाव में नृत्य करने में सक्षम हों जाएंगे। इतने सारे लोग कृष्ण तक क्यों नहीं पहुंच पाते? कृष्ण कहते हैं, इसका कारण यह है कि उनका मन राग-द्वेष में डूबा हुआ है। जो व्यक्ति तीव्र लालसा रखता है या बहुत अधिक घृणा करता है वह मोह या आसक्ति के जाल में फंस जाता है। जब ऐसे व्यक्तियों को जीवन में धन या संबंधों में समस्याओं का सामना करना पड़ता है, तो उनका मस्तिष्क इससे ग्रस्त हो जाता है, वे अनगिनत घंटे, महीने या वर्ष चिंता में ही बिता देते हैं, इससे उबरने में सक्षम नहीं हो पाते, यह नहीं जान पाते कि भगवान कृष्ण कौन हैं। भगवान कृष्ण कहते हैं, जिनके पाप नष्ट नहीं होते वे अज्ञान और भ्रम में फंसे रहते हैं लेकिन जिनके पुण्य फल देने लगते हैं, वे अपने सभी दुखों से मुक्त हो जाते हैं और मेरी ओर आकर्षित होने लगते हैं। जब आप प्रबुद्धि की ओर चलना शुरू करते हैं, तो अज्ञानता का अंधकार नहीं रह सकता। पाप हमें इस यात्रा का आरंभ नहीं करने देता। यही वह बात है जो हमें दुख, पीड़ा और कष्ट देती है। लेकिन जब आप समझ जाते हैं कि आप यह शरीर नहीं, बल्कि शुद्ध चेतना हैं, तो आपके भीतर अपार शक्ति का उदय होता है। एक बार जब परमात्मा में विश्वास पैदा हो जाता है या अनुभव हो जाता है, तो आपको और कुछ करने की आवश्यकता नहीं होती। अपने विश्वास पर रत्ती भर भी संदेह न करें। ईश्वर को वास्तव में जानने और उसके प्रकाश में चलने का यही अर्थ है। कृष्ण सभी संभावनाओं; मनुष्य और ईश्वर होने के प्रत्येक पहलू के पूर्ण विकसित होने के प्रतीक हैं। जन्माष्टमी वह दिन है जब आप कृष्ण के विराट स्वरूप को एक बार फिर से इस चेतना में याद करते हैं और उनकी अनुभूति करते हैं। अपने वास्तविक स्वरूप को अपने दैनिक जीवन में प्रकट करना ही कृष्ण के जन्म का वास्तविक रहस्य है।
सूरज की तरह चमकना है तो सूरज की तरह तपना होगा। यह बात उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा 2022 में सिविल जज एवं ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट के पद चयनित हुए विशाल ठाकुर ने मिनर्वा संस्थान में आयोजित शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य पर बच्चों को संबोधित करते हुए कही। मिनर्वा संस्थान से शिक्षा उत्तीर्ण कर बुलंदियां हासिल करने वाले दो सगे भाईयों व उनके अभिभावकों के लिए शिक्षक दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विशाल ठाकुर ने कहा, 'मैं शिक्षक दिवस पर अपने सभी गुरुजनों का आभार प्रकट करना चाहता हूं, जिनकी बदौलत मैं आज इस मुकाम तक पहुंचा हूं।Ó उन्होंने कहा कि शिक्षक मोमबत्ती की तरह होता है, जो स्वयं को जलाकर दूसरों को प्रकाश देता है। उन्होंने कहा कि 9वीं कक्षा से जमा दो कक्षा तक की पढ़ाई मिनर्वा स्कूल से उत्तीर्ण की। विशाल ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत व लग्न के साथ पढ़ेंगे तो मुकाम जरूर हासिल होगा। जीवन एक संघर्ष है। इसमें कई बाधाएं आएंगी, लेकिन जो इन मुश्किल परिस्थियों को पीछे छोड़ आगे बढ़ेगा वह अपने मुकाम तक जरूर पहुंचेगा। उनके छोटे भाई विकास ठाकुर जो इसी वर्ष मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज एवं ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट नियुक्त हुए हैं, उन्होंने भी बच्चों के साथ विचार साझा करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। वहीं, पाठशाला प्रधानाचार्य परवेश चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि कोई भी किसी भी क्षेत्र में लक्ष्य प्राप्त करना मुश्किल नहीं है, लेकिन इसके लिए लगन व मेहनत की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वैसे तो बच्चों को माता-पिता के नाम से जाना जाता है, लेकिन यदि माता पिता को बच्चों के नाम से जाना जाए तो यह माता पिता के लिए अलग खुशी होती है।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिला किन्नौर के आईटीडीपी भवन में आयोजित परियोजना सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला में विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से चलाए जा रहे विभिन्न विकासात्मक व जन-कल्याणकारी कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाए। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्राप्त उपलब्धियों पर विभिन्न विभागों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों की टायरिंग करने व टायरिंग के कार्य में गुणवत्ता लाने, सड़कों के गड्डे भरने और उपरूक्त स्थान पर मिल पत्थर लगाने को कहा। उन्होंने जल संबंधित समस्याओं के निपटान के निर्देश दिए और पेयजल व सिंचाई योजनाओं को सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विभिन्न सड़क व जल योजनाओं की विस्तृत जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से अधोसंरचना विकास के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा कैट प्लान के तहत हो रहे कार्यों के निरीक्षण के लिए सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों की उप-समिति का गठन किया जाएगा तथा जिला किनौर में लोक निर्माण विभाग के जिस उपमंडल में सड़कों के रख-रखाव और निर्माण का बेहतरीन कार्य किया जा रहा है, उस मंडल को सर्वश्रेष्ठ उपमंडल घोषित करने के लिए सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों की समिति का गठन किया जाएगा। उन्होंने जिले में खेल कूद को बढ़ावा देने के लिए कल्पा, स्किबा, पूह, सांगला व रिकांग पिओ में खेल स्टेडियम की सतह (सरफेस) को ठीक करने का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिला किन्नौर में सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम (बीएडीपी) के तहत लगभग 93 करोड़ 29 लाख रुपए के बजट का प्रावधान है, जिसमें से लगभग 24 करोड़ 61 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं। बैठक में अवगत करवाया गया कि सामुदायिक अस्पताल रिकांग पिओ के निकट पार्किंग का प्राक्कलन तैयार किया जा चुका है और क्षेत्रीय अस्पताल रिकांग पियो में एम.डी मेडिसिन का पद भरा जा चुका है और शीघ्र रेडियोलॉजिस्ट भी उपलब्ध करवाया जायेगा। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिला में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की विकासात्मक योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे संयुक्त जागरूकता शिविरों की नियमित रूप से समीक्षा करने को कहा ताकि जागरूकता शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया जा सके तथा लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। सहायक आयुक्त उपायुक्त किन्नौर संजीव कुमार भोट ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह विनय मोदी, उपमंडलाधिकारी निचार बिमला वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सोनम नेगी, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्यों सहित अन्य सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।


















































