फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेेकर ने आज जिला मंडी के थुनाग उपमंडल के अंतर्गत झुंडी पंचायत के बड़ा मैदान में टैक्सस बक्काटा (थून) का पौधा रोपित कर हरियाली पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा डॉ. साधना ठाकुर उपस्थित थी। डॉ. साधना ठाकुर ने देवदार का पौधा भी रोपित किया। हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस के माध्यम से प्रदेश भर में हरियाली पौध रोपण अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में एक दिन में एक लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है और केवल मंडी जिला में 12000 पौधे रोपित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम जिला स्तर पर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित किया जाएगा और वन विभाग द्वारा इस अभियान के लिए पौधे उपलब्ध करवाएं जाएंगे। इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी नाचन तीर्थ राम धीमान ने राज्यपाल को शॉल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इससे पूर्व, राज्यपाल ने जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा क्षेत्रीय अस्पताल मण्डी के सहयोग से थुनाग में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से लोगों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया जाता है, ताकि जरूरतमंदों को रक्त की आवश्यकता होने पर उपलब्ध करवाया जा सके। इस अवसर पर राज्यपाल ने गरीब और पात्र व्यक्तियों को 10 व्हील चेयर, 2 बैसाखियां और एक बॉकिंग स्टिक भेंट की। जिला रेड क्रॉस सोसायटी मंडी द्वारा अब तक पात्र व्यक्तियों को 137 व्हील चेयर और 71 बैसाखियां एवं बॉकिंग स्टिक वितरित की जा चुकी हैं। राज्यपाल के सचिव एवं राज्य रेड क्रॉस के महासचिव राजेश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नवगांव में रेडक्रॉस के सौजन्य से राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी व प्रवक्ता भौतिक विज्ञान सुनील कुमार ने वन विभाग मनलोग नर्सरी से 25 पौधे लाकर स्वयंसेवियों को अपने-अपने घरों में लगाने हेतु वितरित किए। इस विशेष पौधारोपण अभियान में ईको क्लब के प्रभारी व डीपीई अमित कुमार व विद्यालय के बच्चों ने अपना सहयोग दिया। विद्यालय में भूमि पौधारोपण के योग्य ना होने के कारण बच्चों को अपने अपने घर में एक-एक पौधा लगाने के राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी ने प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रतिराम ने स्वच्छ पर्यावरण तथा पौधारोपण अभियान के महत्व के बारे में बच्चों को अवगत कराया।
आलाेक। कुल्लू शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर आज मनाली वोल्वो बस स्टैंड पर कुल्लू-मनाली ट्रक ऑप्रेटर्ज एसोसियेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने एसोसियेशन के पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न समस्याओं का समाधान किया। इस अवसर पर गोविंद ठाकुर ने कहा कि कुल्लू-मनाली पर्यटन के साथ-साथ एक फलोत्पादक जिला भी है। जिला में सेब के अलावा सभी अनार, नाशपाती, पलम, खुर्मानी व जापानी फल जैसे फल बहुतायत में होते हैं और साल में छह माह तक फलों व सब्जियों के विपणन का कार्य रहता है। इस दौरान ट्रकों की भारी मांग रहती है और ट्रक संचालकों के लिए व्यापार का एक अच्छा मौका भी रहता है। गोविंद ठाकुर ने कहा कि जिला में बाहरी राज्यों से ट्रक मंगवाने की आवश्यकता नहीं पड़ती है और स्थानीय संचालकों को ही अवसर प्रदान किया जाता है। कुल्लू-मनाली की सड़कों की हालत पिछले चार सालों के दौरान बहुत अच्छी हो चुकी है और फल व सब्जियों के विपणन में किसी प्रकार की असुविधा ट्रक संचालकों को नहीं आती है। फिर भी यदि कहीं से कोई शिकायत आती है, तो तुरंत से उसका समाधान करने के प्रयास किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि अधिकांश समस्याएं एसोसियेशन के पदाधिकारी अपने स्तर पर सुलझा लेते हैं। उन्होंने कहा ट्रक संचालकों का भी जिला की आर्थिकी में बड़ा योगदान है। इससे पूर्व उन्होंने मनाली में स्थानीय लोगों तथा विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों की समस्याएं भी सुनी। गोविंद ठाकुर 5 अगस्त को प्रातः 11.30 बजे पतलीकूहल में हर घर तिरंगा पर नग्गर विकास खंड के पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वह जन समस्याएं भी सुनेंगे। उन्होंने नग्गर विकास खण्ड के समस्त पंचाायत प्रधानों, उपप्रधानों, पंचों, पंचायत समिति व जिला परिषद के पदाधिकारियों को बैठक में उपस्थित होने की अपील की है। वह सांय 3 बजे कुल्लू में अंतरराष्ट्रीय लोक नृत्य उत्सव दशहरा-2022 की तैयारियों को लेकर बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में समस्त जिलाधिकारियों को निजी तौर पर उपस्थित रहने को कहा गया है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला स्पीति उपमंडल में खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने किब्बर, बातल और ताबो के होटल ढाबों और सब्जी की दुकानों को निरीक्षण किया। उपमंडलाधिकारी गुंजीत सिंह चीमा ने जानकारी देते हुए कहा कि समय समय पर विभाग निरीक्षण करता है। इसी कड़ी में जब निरीक्षण किया गया, तो 3 होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और सब्जी की दुकानों में में कचरा पाए जाने के कारण हिप्र जीव अनाशित कूड़ा कचरा नियंत्रण अधिनियिम 1995 के तहत कारवाई अमल में लाई गई। एलपीजी में अनियमितता बरतने के मामले में 3 के खिलाफ करवाई अमल में लाई गई। इसमें कुल जुर्माना 9600 रूपए किया गया है। उपमंडलाधिकारी गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि इस तरह का निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेगा। वहीं, लोगों से अपील की है कि अगर कोई भी अनियमितता पाई जाती है, तो प्रशासन के पास शिकायत करें। इसके साथ ही दुकानदारों, होटल व रेस्टोंरेंट व्यवसायियों को नियमों को पालन करें के आदेश दिए है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने नगर निगम पालमपुर में चुनाव लड़ने वाले वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सदस्यों की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने की। अविनाश राय खन्ना ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा के निधन की दुःखद खबर सुनकर बहुत दुःख हुआ है। उसका नुकसान अपूरणीय है। बैठक को संबोधित करते हुए अविनाश राय खन्ना ने कहा कि हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और यह हमारे कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के कारण ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक काफी महत्वपूर्ण थी और हमें अपने नेताओं से काफी प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता एवं कार्यकर्ता सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों से संतुष्ट हैं और हमें यकीन है कि हम हिमाचल में अपनी सरकार को दोहराएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी मुद्दों पर जनता को गुमराह कर रही है और सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है। कांग्रेस को यह स्वीकार करना चाहिए कि वे आगामी आम चुनाव नहीं जीत रहे हैं।
आलाेक। कुल्लु क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में स्तनपान सप्ताह पर स्तनपान को समर्थन करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा नर्सिंग प्रशिक्षण छात्राओं को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मां का दूध अमृत समान होता है। इसके महत्व को समझे और स्तनपान करवाएं उन्होंने बताया कि बच्चे को प्रसव के एक घंटे के अंदर ही स्तनपान करवाना जरूरी है। क्योंकि मां का पहला दूध जिसमें कोलोसडूम कहते हैं, जो कि बहुत गाढ़ा होता है उसे अवश्य पिलाएं क्योंकि उसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता होती है, जिससे कि कई तरह की बीमारियों से बचाव होता है, जैसे डायरिया, निमोनिया अन्य संक्रमण आदि। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि स्तनपान से नवजात शिशु का शारीरिक विकास होता है और शिशु मृत्यु दर में कमी आती है। उन्होंने कहा कि नवजात शिशु को बोतल में दूध न पिलाएं 6 महीने तक केवल मां का दूध ही पिलाएं तथा 6 महीने के बाद पूरक आहार आरंभ करें। साथ में स्तनपान भी करवाते रहें। स्तनपान से ना केवल नवजात शिशु को बल्कि मां को भी बहुत फायदे होते हैं। जैसे कि गर्भाशय का कैंसर, स्तन कैंसर नहीं होता है तथा अन्य कई बीमारियों से बचाव होता है। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अंगरूप दोरजे, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऊषा शर्मा तथा स्वास्थ्य शिक्षिका निर्मला महंत एवं प्रशिक्षण छात्राएं विशेष रूप से उपस्थित रहे।
राजेश कतनौरिया। जवाली विकास खंड फतेहपुर के तहत ग्राम पंचायत ढसोली में आज पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा हरियाली उत्सव के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें तमाम पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया और प्रकृति को बचाने का संकल्प लेते हुए एक एक पौधा लगाया। पंचायत प्रधान राकेश कुमार की अगवाई में वीरवार को प्रतिनिधियों सहित पंचायत कि विभिन्न जगहों पर पौधे लगाए गए। पंचायत प्रधान राकेश कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा की पेड़ होंगे, तो हम काफी हद तक सुरक्षित रहेंगे। इसलिए सभी को एक एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। इस मौके पर उनके साथ उप प्रधान जालम सिंह, पंचायत सचिव शशी कुमार, वार्ड पंच सोहनलाल, संजीव कुमार उर्फ मनी, पंचायत चौकीदार राजेश कुमार, स्थानीय लोगों में गोरख राम व तिलक राज इत्यादि लोग मौजूद रहे।
मतदान से 48 घंटे तक शराब वेचने पर रहेगा प्रतिबंध रैलियां निकालने, धरने-प्रदर्शन व जुलूस पर भी पाबंदी आलाेक । कुल्लू जिला दंडाधिकारी आशुतोष गर्ग ने आज एक अधिसूचना जारी करते हुए ग्राम पंचायतों में मतदान पूरा होने तक से 48 घंटे पूर्व शराब बेचने पर प्रतिबंध लगाया है। विकास खंड निरमंड की ग्राम पंचायत डीम व घाटू तथा विकास खंड आनी की ग्रंाम पंचायत मुहान में 10 अगस्त को उपचुनाव के दृष्टिगत यह अधिसूचना राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार जारी की गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि मतदान क्षेत्र के अंतर्गत किसी भी होटल, कैटरिंग हाउस, टैवर्न, दुकान अथवा अन्य सार्वजनिक व निजी स्थानों में शराब, मादक व नशीला पदार्थ बेचने व वितरण करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। उल्लघंन करने वाले व्यक्ति को पंचातयी राज अधिनियम, 1994 के तहत 6 माह तक की सजा व जुर्माना अथवा दोनों हो सकते हैं। एक अन्य अधिसूचना जारी करते हुए जिला दंडाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायती राज आशुतोष गर्ग ने जिला के विकास खंड निरमंड की ग्राम पंचायत डीम व घाटू तथा विकास खंड आनी की ग्रंाम पंचायत मुहान में 10 अगस्त को उपचुनाव के दृष्टिगत निवार्चन क्षेत्र में सार्वजनिक जनसभा का आयोजन करने, इसमें सम्मिलित होने व संबोधन करने पर मतदान पूरा होने से 48 घण्टे पूर्व तक पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। चुनाव प्रचार से जुड़ी कोई भी सामग्री को सिनेमाटोग्राफ व दूरदर्शन अथवा अन्य उपकरणों के माध्यम प्रदर्शित करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर हि.प्र. पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 158-बी के तहत दो वर्ष तक का कारावास तथा जुर्माना अथवा दोनों की सजा हो सकती है।
बोले, जिस्पा में आयोजित फेस्टिवल को सफल बनाने में पूर्व विधायक ने निभाई अहम भूमिका आलाेक। केलांग जिस्पा में हाल ही में आयोजित हुए दो दिवसीय लाहुल टूरिज्म फेस्टिवल के सफल आयोजन को लेकर लाहुल ईको टूरिज्म सोसायटी के अध्यक्ष सैम बौद्ध ने सोसायटी के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का अभार व्यक्त किया है। सैम बोद्ध ने कहा है कि उक्त फेस्टिवल के आयोजन का मुख्य उद्देश्य लाहुल में पर्यटकों की गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि घाटी में अधिक से अधिक पर्यटक पहुंचे इसका प्रयास लाहुल ईको टूरिज्म सोसायटी लगातार कर रही है। वहीं, इस फेहरिस्त में जिस्पा में उक्त फेस्टिवल का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें ये बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि घाटी में पर्यटकों की गतिविधियों को बढ़ाने या यूं कहें कि लाहौल में पर्यटकों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि ठाकुर का भी रहा है। उन्होंने कहा कि बतौर पर्यटन कारोबारी के तौर पर रवि ठाकुर ने 90 के दशक में लाहौल के जिस्पा में एक होटल का निर्माण किया और घाटी में सैलानियों को बड़े शहरों की तर्ज पर सुख सुविधा उपलब्ध करवाने की नई पहल की थी। इस फेहरिस्त में उन्होंने जहां अपने स्तर पर उस समय सैलानियों को लाहौल-स्पीति की संस्कृति व पारंपरिक व्यंजनों से भी रू-ब-रू करवाया। वहीं, जिस्पा को भी पर्यटन मानचित्र पर लाया। उन्होंने कहा कि घाटी में चाहे धार्मिक आयोजन हो या फिर पर्यटकों से जुड़े हुए बड़े कार्यक्रम लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर इन सभी आयोजनों को सफल बनाने के लिए जहां आयोजकों की हर तरह से मदद करते हैं वहीं लाहौल स्पीति को पर्यटन की दृष्टि में विकसित करने को लेकर भी वे लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस्पा में आयोजित किए गए लाहुल टूरिज्म फेस्टिवल को सफल बनाने के लिए इस वर्ष भी लाहुल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने हर तरह से लाहुल ईको टूरिज्म सोसायटी की मदद की है, जिसके लिए वे तहे दिल से उनका अभार व्यक्त करते हैं। सैम बोद्ध ने कहा है कि पूर्व विधायक रवि ठाकुर द्वारा रखी गई जिस्पा में पर्यटन कारोबार की नींव को आज जहां वे एक मार्ग दर्शन के रूप में देखते हैं। वहीं, रवि ठाकुर के प्रयासों से ही आज जिस्पा लाहुल घाटी में सैलानियों का हव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण गत दो वर्षों से जिस्पा में उक्त फेस्टिवल का आयोजन नहीं किया जा सका था। लिहाजा इस वर्ष स्थितियां थोड़ी सामान्य होने के बाद उक्त फेस्टिवल का आयोजन किया गया और यह पूरी तरह सफल रहा है, जिसका श्रेय वे सोसायटी के तमाम सदस्यों को देते हैं, जिनके प्रयासों से आज यह फेस्टिवल सफल हो सका है। उन्होंने कहा कि इस फेस्टिवल में जहां देश-विदेश के सैलानियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी पर्यटकों ने जमकर लुफ्त उठाया।
आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित मनीष ठाकुर। भरमौर एसडीएम भरमौर असीम सूद की अध्यक्षता में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आज एसडीएम कार्यालय भरमौर के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के उपमंडल स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। एसडीएम ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह भरमौर के राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल भरमौर में मनाया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा 11:00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा और परेड का निरीक्षण करने के उपरांत पुलिस की टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उचित प्रबंध और तय सीमा के भीतर आयोजन की तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इसके अतिरिक्त मुख्यातिथि द्वारा कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान कोविड-19 के अनुरूप व्यवहार भी सुनिश्चित बनाया जाएगा। इस बैठक में तहसीलदार भरमौर बालकृष्ण शर्मा, सहायक अभियंता विद्युत विभाग तेजू राम, थाना प्रभारी भरमौर बाबू राम, बाल विकास अधिकारी सुभाष दियोलिया व उद्यान विभाग डॉ. अशीष शर्मा सहित अन्य आधिकारी उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला शिमला नागरिक सभा की टूटू इकाई ने बंगाला कॉलोनी टूटू में ताज़ा भू-स्खलन से हुए नुकसान की तुरंत भरपाई करने की मांग की है। नागरिक सभा ने राहत एवं पुनर्वास कार्य को तेज करने की मांग की है। सभा ने नगर निगम शिमला,भवन एवं सड़क निर्माण विभाग व जिला प्रशासन से बंगाला कॉलोनी टूटू के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर सम्भव मदद की मांग की है। शिमला नागरिक सभा नेता व टूटू निवासी विजेंद्र मेहरा, हेमराज चौधरी, रजनी देवी, सौरभ कौंडल, राकेश कुमार, सुरजीत सिंह, मलकीयत सिंह, टेक चंद, संदीप वर्मा, विवेक कुमार, अनिल कुमार, संजीव कुमार, दीपक कुमार, कुंदन सिंह व रीता देवी आदि ने कहा है कि बंगाला कॉलोनी टूटू में हुए भूस्खलन से पूरी बंगाला कॉलोनी खतरे की जद में है। संजीव कुमार व पम्मी पुत्र श्री छवारा राम के मकान का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मकान का अन्य हिस्सा असुरक्षित हो चुका है व मकान कभी भी गिर सकता है। कॉलोनी में रहने वाले अनिल कुमार, सुनील कुमार, मनोज कुमार, नीलू व नेहा आदि के मकान भूस्खलन के कारण असुरक्षित स्थिति में हैं। कॉलोनी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए तुरंत राहत एवं पुनर्वास का कार्य करना जरूरी है। भवनों की फौरी सुरक्षा के लिए ज्यादा संख्या में तिरपाल मुहैय्या करवाना ज़रूरी है। हालांकि मौके का एसडीएम व तहसीलदार शिमला ग्रामीण ने दौरा किया है व कुछ तिरपाल मुहैय्या करवाए हैं, परंतु प्रशासन से और ज़्यादा मदद की दरकार है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि बंगाला कॉलोनी की सुरक्षा के लिए पुख्ता कदम उठाए जाएं।
जिला में बरसात के दौरान 15 लाख पौधरोपण का है लक्ष्य आलाेक। कुल्लू उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने आज कुल्लू के समीप सारी-भेखली वन रेंज में देवदार का पौधा लगाकर हरियाली उत्सव का शुभारंभ किया। उत्सव का आयोजन जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा वन विभाग के सहयोग से किया गया। इस दौरान देवदार, अखरोट व रीठा के कुल 1000 पौधों का रोपण किया गया। इनमें 400 पौधे देवदार के, 200 रीठा, 200 दाडू व 200 पौधे अखरोट के लगाए गए। हरियाली उत्सव में सारी-कोठी गांव के महिला मंडल, पंचायत, युवा मंडल दुर्गानगर व स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने पौधरोपण कार्य में योगदान किया। आशुतोष गर्ग ने कहा कि जिला में इस वर्ष विभिन्न प्रजातियों के 15 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निश्चित किया गया है। पौधरोपण वन विभाग द्वारा विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वनों का सरंक्षण समय की आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को न केवल पौधरोपण जैसे पुनीत कार्य को करने के लिये आगे आना चाहिए, बल्कि वनों की रक्षा भी करनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि वन लगाने से अधिक महत्वपूर्ण है जंगलों को बचाना। स्थानीय लोगों के सहयोग से वनों को कटने व आगजनी जैसी घटनाओं से सुरक्षित रखा जा सकता है। उपायुक्त ने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी जिला के सभी उपमंडलों में हरियाली उत्सवों का आयोजन करके पौधरोपण में सामाजिक भागीदारी को सुनिश्चित बनाने का कार्य कर रही है। प्रत्येक उपमंडल में हरियाली उत्सव के दौरान कम से कम 1000 पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने पंचायती राज संस्थानों, स्वयं सेवी संस्थाओं, महिला व युवक मंडलों तथा स्वयं सहायता समूहों सहित समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अपील की है कि अपने-अपने स्तर पर भी पौधरोपण के कार्य के लिए आगे आएं और पौधे प्राप्त करने के लिए वन विभाग से संपर्क करें। मुख्य अरण्यपाल अनिल जोशी ने कहा कि वन विभाग जिला में इस वर्ष 1850 हैक्टेयर भूमि पर पौधरोपण का कार्य कर रहा है। इसमें पार्वती वन मण्डल के तहत 570 हैक्टेयर, कुल्लू के तहत 64 हेक्टेयर, सिराज के तहत 317 हेक्टेयर व लाहौल रेंज के अंतर्गत 300 हैक्टेयर भूमि को वनों के अधीन लाया जाएगा। अनेक जगहों पर पहले ही यह कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि कुल 15 लाख पौधों में 2 लाख लंबी प्रजाति के पेड़ लगाए जाएंगे। डीपीआरओ प्रेम ठाकुर, सहायक आयुक्त शशिपाल नेगी, वनमंडलाधिकारी एन्जल चौहान, सचिव रेडक्रॉस वीके मोदगिल सहित सारी कोठी पंचायत की प्रधान हीरा, उप-प्रधान रामानंद, प्रधान महिला मण्डल सारी कोठी आशा, भेखली महिला मण्डल से कृष्णा, रानीनगर महिलामंडल प्रधान बंती देवी व युवक मंडल दुर्गानगर ने इस अवसर पर पौधे रोपे।
डॉ. यशवंत सिंह परमार की मनाई गई 116वीं जयंती फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज पीटरहॉफ शिमला में हिमाचल निर्माता और प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की 116वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार न केवल हिमाचल प्रदेश के निर्माता थे, बल्कि उन्होंने प्रदेश के विकास की मजबूत नींव भी रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. वाईएस परमार की दूरगामी सोच में हिमाचल प्रदेश की खुद की पहचान निहित थी। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार की प्रतिबद्धता और समर्पण से ही अनेक प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद हिमाचल प्रदेश अपनी एक अलग पहचान बनाने में कामयाब रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार हिमाचली संस्कृति और परंपराओं के प्रति विशेष स्नेह और सम्मान के भाव रखते थे। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार राज्य की समृद्ध संस्कृति को पहचान दिलाने का कोई अवसर नहीं चुके। जयराम ठाकुर ने कहा कि डॉ. परमार का व्यक्तित्व महान था और उनकी जयंती को धूमधाम से मनाया जाना चाहिए। इसलिए उन्होंने इस कार्यक्रम को विधानसभा के हॉल से बाहर निकलकर विस्तृत तरीके से मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गठन के समय प्रदेश में केवल 228 किलोमीटर लंबी सड़कें थी। डॉ. परमार ने प्रदेश में सड़काें के निर्माण और विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की। आज प्रदेश में 39500 किलोमीटर से अधिक सड़कों का मजबूत नेटवर्क है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश 75 वर्षों की लंबी विकास यात्रा का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इसे यथोचित ढंग से मनाने के लिए पूरे प्रदेश में 75 कार्यक्रमों का आयोजन कर इनके माध्यम से प्रदेश की गौरवशाली यात्रा का प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल तब और अब विषय पर प्रदर्शनी के माध्यम से भी राज्य के लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास का श्रेय राज्य के मेहनती और ईमानदार लोगों को जाता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी भाषा और संस्कृति को विस्तृत स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना चााहिए। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार को पहाड़ी संस्कृति से विशेष लगाव था और वे पहाड़ी पोशाक पहनकर पहाड़ी संस्कृति को बढ़ावा देते थे। डॉ. परमार प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के वास्तविक अग्रदूत थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य का हित सभी के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। हिमाचल को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने के लिए सभी को आगे बढ़कर सामूहिक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस शुभ दिन पर हम सभी को हिमाचल प्रदेश को देश का सुदृढ़ और जीवन्त राज्य बनाने के लिए पुनः समर्पित होना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. वाईएस परमार के पुत्र और पूर्व विधायक कुश परमार को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने डॉ. राजेंद्र अत्री द्वारा लिखित पुस्तक डॉ. यशवंत सिंह परमार मास लीडर- एन एपोस्टल ऑफ ऑनेस्टी एंड इंटीग्रेटी का विमोचन भी किया। इस अवसर पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा डॉ. परमार के जीवन पर निर्मित वृत्त चित्र भी प्रदर्शित किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने डॉ. परमार के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा हिमाचल निर्माता के जीवन और कार्यों पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि तमाम बाधाओं एवं चुनौतियों के बावजूद डॉ. परमार ने हिमाचल जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले पहाड़ी राज्य के विकास की मजबूत नींव रखी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सड़क निर्माण, बिजली, बागवानी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों के प्रति डॉ. परमार की दूरदर्शी सोच के कारण ही आज हिमाचल प्रदेश ने इन क्षेत्रों में नाम कमाया है तथा एक अलग पहचान बनाई है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार एक ऐसे राजनेता थे जो सदैव हर क्षेत्र में प्रदेश के सर्वांगीण विकास की सोच रखते थे और चुनौतियों को हमेशा अवसरों में बदल देते थे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल को देश का सबसे विकसित राज्य बनाना ही हिमाचल निर्माता को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने डॉ. परमार की जयंती समारोह के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार के अथक प्रयासों के कारण ही आज हिमाचल प्रदेश अपने अस्तित्व के 75 वर्ष पूरे कर रहा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पुनर्गठन समिति ने अलग राज्य के रूप में हिमाचल प्रदेश के गठन का विचार ही खारिज कर दिया था, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व के साथ बेहतर व्यक्तिगत संबंधों, दूरदर्शी सोच और अथक प्रयासों से डॉ. परमार ने हिमाचल प्रदेश का गठन सुनिश्चित किया था। शहरी विकास और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि डॉ. परमार एक महान दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने राज्य को विशिष्ट पहचान दिलवाने के लिए सदैव अथक प्रयास करते थे। क्योंकि उन्हें पता था कि पहाड़ी राज्यों की विकासात्मक आवश्यकताएं देश के अन्य राज्यों से अलग हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को सेब राज्य बनाने का श्रेय डॉ. परमार को जाता है। क्योंकि उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को सेब की खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में भी डॉ. परमार का दृष्टिकोण बहुत ही महत्त्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार ने ही सर्व प्रथम सोलन में बागवानी महाविद्यालय की स्थापना की, जो अब बागवानी और वानिकी के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में से एक के रूप में उभरा है। इस अवसर पर केंद्रीय विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. रोशन लाल शर्मा ने डॉ. यशवंत सिंह परमार के जीवन और कार्यों पर एक शोध पत्र प्रस्तुत किया। इस अवसर पर समारोह में ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी, राज्य विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. हंस राज, विधायक विनय कुमार और हीरा लाल, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष खुशी राम बालनाहटा, सक्षम गुड़िया बोर्ड की अध्यक्ष रूपा शर्मा, प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा, पर्यटन विकास निगम के प्रबन्ध निदेशक अमित कश्यप, विधानसभा के सचिव यशपाल शर्मा, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
आलाेक। कुल्लू उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग के नाम से किसी शातिर व्यक्ति ने 8667894275 मोबइल नं. से फेक वट्सएप प्रोफाइल बनाई है। इस प्रोफाइल के माध्यम से उक्त व्यक्ति विभिन्न लोगों को वट्सएप कॉल कर धनराशि की मांग कर रहा है। इसके अलावा अमेजन गिफ्ट कार्ड का लालच भी शातिर द्वारा दिया जा रहा है। उपायुक्त कुल्लू ने जानकारी देते हुए कहा कि व्यक्ति विभिन्न लोगों को वट्सएप कॉल कर पैसे की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि उक्त नंबर से यदि वट्सएप कॉल प्राप्त होती है तो इस व्यक्ति के झांसे में न आएं।
कुल्लू महाविद्यालय में हुआ नई कार्यकारिणी का गठन आलाेक। कुल्लू राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में राष्ट्रीय सेवा योजना कुल्लू इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। वीरवार को हुई बैठक में पुरानी कार्यकारिणी को भंग करके सर्वसम्मति से नए सदस्यों का चुनाव किया गया, जिसमें रविंद्र राणा को अध्यक्ष चुना गया है, जबकि मुकुल सचदेवा को उपाध्यक्ष की कमान दी गई है। सचिव अनमोल शर्मा और संयुक्त सचिव यतिन शर्मा, प्रेस सचिव सौरव नेगी को बनाया गया। सह सचिव की कमान सरिता और विपाशा दी गई है। इस दौरान एनएसएस कुल्लू के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुमित और प्रो. बबली जोशी आदि मौजूद रहे।
न्यू शाही कम्पलेक्स हाल सायरी में होगा आयोजित रंजीत ठाकुर। कुनिहार पेंशनर्ज कल्याण संघ सायरी अपना 17वां स्थापना दिवस 9 अगस्त को बड़ी धूमधाम के साथ मनाएगा। संघ के प्रधान बेलीराम राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्थापना समारोह नजदीक बस स्टैंड सायरी न्यू शाही हाल में आयोजित होगा, जिसके मुख्यातिथि विधायक सोलन धनीराम शांडिल होंगे। तथा आत्मा राम शर्मा हिमाचल प्रदेश पेंशनर्ज कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके अतिरिक्त वीके शर्मा (सेवा निवृत्त) उप महानिरिक्षक एसएसबी एवं राजेश कुमार एमटीसी, एसएसबी शिमला विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद होंगे। उन्होंने बताया कि समारोह की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है, जिला पेंशनर्ज कल्याण संघ सोलन अध्यक्ष केडी शर्मा व जिला में कार्य कर रही सभी इकाइयों को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। समारोह में सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश के कलाकारों द्वारा मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। सायरी इकाई ने सभी पेंशनरों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर समारोह की शोभा बढ़ाएं।
विनायक ठाकुर।देहरा उपमंडल अधिकारी (नागरिक) देहरा संकल्प गौतम ने आज रेड क्रॉस सोसाइटी के सौजन्य से लघु सचिवालय देहरा के प्रांगण में हरियाली दिवस के तहत पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर एसडीएम व अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों ने पौधारोपण किया। प्रयावरण संतुलन पर अपने विचार रखते हुए एसडीएम देहरा ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना हमारे लिए नितांत आवश्यक है तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी लोगों का योगदान जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधों के रोपण से जहां पर्यावरण सुदृढ़ होगा। वहीं, दूसरी ओर संपूर्ण मानव जाति को भी इसका पर्याप्त लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारों पर पौधारोपण करना चाहिए। इससे जहां एक और भू-स्खलन की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित आवरण में भी वृद्धि दर्ज होगी। उन्होंने कहा कि पौधारोपण का मुख्य उद्देश्य लोगों को हमारे जीवन में वनस्पतियों और जीवों के महत्व के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि तेज़ी से होते जलवायु परिवर्तन को रोकने व पर्यावरण के संतुलन हेतु पौधारोपण अति आवश्यक है। इस हेतु समाज के सभी लोग अपने आस पास के क्षेत्र में पौधारोपण कर उसका संरक्षण करें।इस अवसर पर तहसीलदार देहरा कर्म चंद, नायब तहसीलदार देहरा सुरेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी देहरा चतर सिंह व लघु सचिवालय देहरा के कर्मचारी उपस्थित रहे।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी अर्की में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत एक पेड़ मेरे स्कूल के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम के तहत विद्यालय में 50 पौधों को रोपण किया गया। प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने बताया की एक पेड़ मेरे स्कूल के नाम कार्यक्रम को दाड़िम ईको क्लब तथा एनएसएस यूनिट द्वारा सफलतापूर्वक संचालित किया गया।इसके लिए विभिन्न 50 पौधे दाड़लाघाट स्थित वन विभाग से प्राप्त किए गए।इसके पश्चात विद्यालय में दाड़िम ईको क्लब की यूनिट उपेंद्र पाल के मार्गदर्शन में तथा एनएसएस यूनिट ओम प्रकाश एवं हेमलता के मार्गदर्शन में इन पौधों को लगाने के लिए उचित भूमि निर्माण एवं समस्त रोपण प्रक्रिया को संचालित किया गया। इन पौधों में विशेष आयुष पौधों को लगाया गया, जिसमें की आंवला, बेहड़ा, रीठा, जामुन अर्जुन तथा विभिन्न प्रकार के अन्य पौधों को लगाया गया।विद्यालय में विद्यालय स्टाफ सहित छात्रों ने 22 पौधों को लगाया तथा 28 पौधों को स्टाफ एवं छात्रों में अपने-अपने घर में लगाने के लिए वितरित किया गया। गौरतलब है कि घर में लगाए जाने वाले इस पौधारोपण का चित्र भी विद्यालय को उपलब्ध करवाया जाएगा तथा इसकी संपूर्ण रिपोर्ट को इको क्लब के माध्यम से विभाग तक पहुंचाया जाएगा। उनका कहना था कि आजादी के अमृत महोत्सव में प्रकृति संरक्षण का यह कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय है। इस अवसर पर समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुघार में इको क्लब द्वारा विद्यालय परिसर में एक पेड़ मेरे स्कूल के नाम के अंतर्गत विभिन्न औषधीय पौधे रोपित किए।जिसमें बेहण व रीठा इत्यादि मुख्य रहे। विद्यालय प्रधानाचार्य रेखा राठौर, ईको क्लब प्रभारी मलकीत सिंह, कंप्यूटर अध्यापक मनोज, कार्यालय कनिष्ठ सहायक जगदीश चंद ठाकुर, कला शिक्षक रवि कुमार ने पौधारोपण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया। इस पौधारोपण अभियान में युवराज, पवन, खेमराज, खेताश, नेहा, हीना, भावना व निधि सहित इको क्लब के छात्रों ने भाग लिया।
मनोज शर्मा । अर्की ग्राम पंचायत बलेरा के झुन्डला वार्ड में जीवन धारा के माध्यम से एक फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य तौर पर डॉ. अपूर्वा ठाकुर फार्मासिस्ट हेमंत पंवर लैब तकनीशियन मोनिका व सुरेश रहे। इसमें लोगों का फ्री मेडिकल चेकअप किया गया, जिसमें बीपी शुगर इत्यादि चेकअप किए गए व फ्री में दवाई दी गई। लोगों को मेडिकल के बारे में जागरूक किया गया। इसमें लगभग लोगो का चेकअप किया गया और ग्रामीण वासियों और प्रधान आशीष कौशल पंचायत समिति सदस्य शशिकांत ने इस कार्यक्रम की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम होते रहे, ताकि लोगों को स्वास्थ्य शिविर के दौरान उन्हें फ्री मेडिकल चेकअप की सुविधाएं और दवाइयों की सुविधाएं मिल सके।
अमीषा कुल्ला। शिमला करुणामूलक संघ हिमाचल प्रदेश 10 अगस्त को मंडी में रैली व धरना प्रदर्शन करने जा रहा है। ये रैली सेरी मंच से शुरू होगी और बीच बाजार से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचेगी व उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। रैली ठीक 11 बजे शुरू होगी। करुणामूलक संघ प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि संघ 371 दिन से जिला शिमला में क्रमिक भूख-हड़ताल पर है, पर सरकार अभी तक सुध नहीं ले रही है। सरकार के इस अडियाल रवैये से परेशान होकर करुणामूलक संघ हर जिला में रैली व धरना प्रदर्शन करने जा रहा है, जिसमे 10 अगस्त को जिला मंडी की बारी है। प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि सरकार गहरी निद्रा में सोई है और करुणामूलक आश्रितों की एक साल से नही सुन रही है। इस आक्रोश रैली के माध्यम से प्रदेश भर के करुणामूलक आश्रित जिला मंडी में आक्रोश रैली से सरकार को जगाना चाहते हैं। इस मौके पर करुणामूलक आश्रित रैली व प्रदर्शन के माध्यम से समस्त प्रदेशवासियों को एक वर्ष से नजरंदाज कर रही सरकार व कुंभकरणं की नींद सोई हुई सरकार के अत्याचारों से अवगत करवाएंगे। मुख्य मांगे- समस्त विभागों, बोर्डों, निगमों व यूनिवर्सिटी में लंबित पड़े क्लास-सी के करुणामूलक आधार पर दी जाने वाली नोकरियों के केसों छठे वेतन आयोग मे छूठ देकर को जो 7/03/2019 की पॉलिसी मे आ रहे हैं, उनको वन टाइम सेटलमेंट के तेहत सभी को एक साथ नियुक्तियां दी जाएं। क्लास-डी में जीतने भी मामले विभागों, बोर्डों यूनिवर्सिटी और निगमों के पेंडिंग वित विभाग के पास फंसे हैं, उन्हें जल्द कैबिनेट में लाकर मोहर लगाई जाए। पॉलिसी में संशोधन किया जाए व 62500 एक सदस्य सालाना शर्त हटाई जाए।
मनोज कुमार। कांगड़ा अटल बिहारी बाजपेयी राजकीय महाविद्यालय तकीपुर में पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा निर्देशित कार्यक्रम "एक पेड़ मेरे कॉलेज के नाम "इको क्लब, रोवर रेंजर एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केएस अत्री रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संचालित "एक पेड़ मेरे कॉलेज के नाम" तथा वन विभाग का वृक्षारोपण कार्यक्रम सराहनीय है। दोनों का उद्देश्य पर्यावरण को सुरक्षित करना मानव जीवन के लिए अति आवश्यक है।उन्होंने कहा पेड़ पौधे धरती का सौंदर्य है। भारतीय सभ्यता और संस्कृति में वृक्षों में देवताओं की झलक देखी जाती है, उन्हें गर्मी सर्दी से उसी प्रकार बचाया जाता है, जिस प्रकार माता-पिता अपने बच्चे की रक्षा करते हैं। वृक्षों को काटना प्राचीन समय में अपराध समझा जाता था और साथ ही उस अपराध के लिए दंड की व्यवस्था भी थी। प्राचार्य ने कहा कि वृक्षों का तेजी से काटा जाना पर्यावरण संतुलन के लिए गंभीर चुनौती है। इससे भूमि कटाव तथा बाढ़ इत्यादि प्राकृतिक आपदाएं उत्पन्न हो सकते हैं। वृक्षों के लगातार काटने तथा इंधन की आवश्यकता को देखते हुए 1950 में भारत सरकार ने वन महोत्सव योजना का शुभारंभ किया था। उन्होंने कहा कि देश में वृक्षारोपण का कार्यक्रम व्यापक रूप से चलाया जा रहा है तथा इससे संबंधित केंद्र सरकार ने सभी राज्यों की सरकारों को यह कड़े निर्देश भी दिए हैं कि केंद्र सरकार की आज्ञा के बिना किसी भी जंगल को साफ नहीं किया जाएगा। प्राचार्य डॉ. केएस अत्री ने कहा कि पेड़ पौधों का हमारे दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है, जहां एक और पेड़ पौधों को संरक्षण देने के लिए सरकार कठोरता के साथ वृक्षारोपण को बढ़ावा दे रही है।वहीं, प्रत्येक व्यक्ति का यह कर्तव्य बनता है कि वह भी देश की उन्नति के इस पुनीत कार्यक्रम में अपना योगदान सुनिश्चित करेंगे। इसलिए हमें वृक्षों के विकास के लिए प्रयत्नशील होना होगा। इस संदर्भ में एक पेड़ मेरे कॉलेज के नाम कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर में आज जो वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर ईको क्लब प्रभारी डॉ. अश्विनी शर्मा ने कहा कि वृक्ष हमारे देश की अमूल्य संपत्ति है, वृक्ष मनुष्य को शीतल छाया प्रदान कर गर्मी से बचाते हैं। वृक्ष हमारे जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी है, प्राणी मात्र जीवन वृक्षों पर ही निर्भर करता है। वृक्षारोपण का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. के एस अत्रि, एसडीएम कांगड़ा नवीन तंमर, वीडीओ केएस राणा, ईको क्लब प्रभारी डॉ. अश्विनी, डिप्टी रेंजर वन विभाग राकेश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राध्यापक वर्ग से प्रोफेसर अमरीश घई, प्रोफेसर पवन, डॉ. प्रीति वाला, प्रो. श्रुति, प्रो. लेखराज, प्रोफेसर सतपाल, महिला मंडल के प्रधान एवं ग्राम पंचायत के प्रधान जनक, सविता एवं मनीष तथा ईको क्लब एवं रोवर रेंजर के समस्त सदस्य भी उपस्थित रहे।
शिमला: प्रदेश में बीती रात से भारी बारिश जारी है। जिससे राजधानी शिमला के बंगाला कॉलोनी टूटू में भूस्खलन की घटना सामने आई है। भूसखलन से भवन का एक हिस्सा गिरा गया है जबकि कई भवन खतरे की जद में हैं। इससे नालागढ़ की और जाने वाली सड़क में चलने वाले वाहनों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता, हिमाचल में पूर्व कर एवं कराधान मंत्री, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष हिमुडा प्रवीण शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रवीण शर्मा भाजपा के लिए एक मजबूत नेतृत्व थे और एक उत्कृष्ट चुनाव प्रबंधक थे, उन्होंने 2017 के आम विधानसभा चुनावों में चुनाव अभियान प्रमुख के रूप में कार्य किया। नड्डा ने कहा कि प्रवीण शर्मा 1998 से 2003 की सरकार में मंत्री रहे और पूरे जोश एवं ऊर्जा के साथ राज्य की सेवा की। मैं उन्हें विधानसभा में एक विनम्र और मृदुभाषी व्यक्ति के रूप में याद करता हूं जिन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र और राज्य के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी। वह जिला ऊना के अंब गांव के रहने वाले हैं, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। शर्मा ने देश में लगाए गए आपातकाल के दौरान कड़ी कठिनाइयों का सामना भी किया। नड्डा ने कहा कि पार्टी, समाज और राज्य के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे एक सक्षम प्रशासक और अविस्मरणीय सामाजिक कार्यकर्ता थे।
ग्राम पँचयत मन्दल के युवाओं ने कॉंग्रेस और आप को छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। बुधवार को मन्दल पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने भाजपा का दामन थामा। इस दौरान प्रदेश व केंद्र सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर जोगिंद्र, विजय कुमार, पंकज, नरदेव, सुभाष कुमार, राजकुमार, अनिल कुमार, महावीर, ओंकार, अक्षय कुमार, वीर सिंह, बाबू राम, रवि कुमार, ओम प्रकाश, राहुल, रोहित, रजत, अनिकेत, सुमित सहित अन्य लोगों ने भाजपा ज्वाइन की। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल चौधरी, महामंत्री राजेश वर्मा, उपाध्यक्ष दिनेश कपूर, कोषाध्यक्ष राज ओबराय, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता शर्मा, किसान मोर्चा अध्यक्ष शिव कुमार, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संजीव कुमार सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे। विधान सभा क्षेत्र धर्मशाला की नरवाना खास पंचायत में बुधवार को जन सम्पर्क समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में स्थानीय विधायक विशाल नैहरिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान विधायक ने कहा कि सही मायने में भाजपा ने ही महिलाओं को सम्मान दिया है। केंद्र की मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है। महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 फीसदी आरक्षण का ही परिणाम में है कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। विधायक ने कहा कि महिलाएं वर्तमान दौर में किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। हर क्षेत्र में महिलाओं का डंका बोल रहा है। विभिन्न परीक्षाओं की बात हो तो लड़कियां बाजी मार रही हैं, वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न विभागों में महिलाओं की भागीदारी में इजाफा हुआ है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली मातृ शक्ति को सम्मानित भी किया गया।
राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ जिला सिरमौर के छात्र क्षितिज पुत्र सुखराज गांव शाया चबरौन, ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित रसायन विभाग की प्रवेश परीक्षा में पहले 4 छात्रों में मॉडरेशन के आधार पर प्रथम स्थान हासिल कर राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ व अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। क्षितिज की यह उपलब्धि महाविद्यालय व स्थानीय क्षेत्र के सभी छात्रों के लिए एक प्रेरणा है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. एस.के. गांधी व विज्ञान संकाय के सभी अध्यापकों द्वारा उसे बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
ढलियारा से डाडासीबा मार्ग पर सुबह के समय एक ही मालिक की दो बसों के रूट हैं। आलम यह है कि उक्त रूट पर सुबह के टाइम एक ही बस चल रही है। फलस्वरूप यात्रियों को सफर करने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक पिछले 10 दिनों से एक ही बस ढलियारा से सुबह 6.30 बजे के बाद चल रही है। जिससे नाइट बसों में रात का सफर करके चंडीगढ़, दिल्ली, शिमला सहित अन्य दूरवर्ती क्षेत्रों से आए यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उक्त रुट पर चलने वाली दोनों बसें सुबह के समय ढलियारा से डाडासीबा होकर तलवाड़ा को जाती हैं। बता दें कि सुबह के समय ढलियारा से डाडासीबा को पहली बस है जिसमें यात्री सफर करते हैं परंतु पिछले 10 दिनों से यह बस एक ही आ रही है जिससे मुसाफिरों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। बहरहाल लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त दोनों निजी बसों को रेगुलर रूट पर चलाया जाए जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। वहीं ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सुबह के समय पांच बजे के करीब परिवहन निगम की बस ढलियारा से डाडासीबा-तलवाड़ा को चलाई जाए जिससे दूरदराज का सफर करके ढलियारा पहुंचने वाले मुसाफिरों को परेशानी न हो। गौरतलब है कि सुबह के समय उक्त रुट पर परिवहन निगम की सुविधा न होने से मुसाफिरों को महंगे किराया देकर टैक्सी या निजी वाहन द्वारा गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। हालांकि जानकारी के अनुसार कई सवारियां ढलियारा बस स्टैंड पर बस के इंतजार में मौजूद रहती है और दोनों बसों में से एक ही बस रूट पर आती है तो मुसाफिरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि इन दोनों बसों को समय पर चलाया जाए ताकि यात्री समय पर अपने गंतव्य पर पहुंच सकें । उधर इस संबंध में बस के मालिक राजीव बिज से बात की गई तो उन्होंने बताया आजकल बसों में सवारियां बहुत ही कम हो रही है तेल खर्चा भी पूरा नहीं हो रहा इसलिए एक ही बस भेजी जा रही है। उधर इस संबंध में आरएम कुशल कुमार देहरा से बात की गई उन्होंने बताया मुझे मीडिया के माध्यम से पता चला है अगर ऐसी समस्या आ रही है तो शीघ्र ही आरटीओ को लिखा जाएगा ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक में आज कई बड़े फैसले लिए गए है। मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विभिन्न श्रेणियों के 320 पदों को अनुबंध के आधार पर भरने का निर्णय लिया है। मंत्रिमण्डल ने राज्य के बागवानों को राहत प्रदान करने के लिए 1 अप्रैल, 2022 से एचपीएमसी या खुले बाजार से खरीदी गई पैकेजिंग सामग्री कार्टन और ट्रे पर छः प्रतिशत सब्सिडी की प्रतिपूर्ति के लिए कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए कार्टन व ट्रे का जीएसटी भुगतान बिल, बिक्री प्रमाण और आधार के साथ जुड़े बैंक एकाउंट का विवरण प्रदान करना होगा। बैठक में उचित मूल्य के दुकान धारकों को चीनी की बिक्री पर दिए जाने वाले कमीशन को मौजूदा सात रुपये 57 पैसे से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति क्विंटल और राज्य विशेष अनुदान योजना के सामान पर बिक्री दर के 3 प्रतिशत से 4 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है। मंत्रिमण्डल ने बिलासपुर जिला की तहसील घुमारवीं के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हटवाड़ को 10 बिस्तर क्षमता के स्वास्थ्य संस्थान में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया। बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मलोखर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ इस स्वास्थ्य संस्थान के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के तीन पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया। बैठक में किन्नौर जिला की तहसील कल्पा के पांगी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने और इस संस्थान के लिए तीन पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमण्डल ने मंडी जिला की तहसील थुनाग के शिकावरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने के साथ-साथ तीन पदों को सृजित कर भरने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमण्डल ने बिलासपुर जिला में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भाखड़ा को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने के साथ चार पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने बिलासपुर जिला में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गेहड़वीं और कलोल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ इन स्वास्थ्य संस्थानों के प्रबन्धन के लिए छः पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। बैठक में किन्नौर जिला में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्पीलो को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य से जुड़े निर्णय बैठक में कुल्लू जिला की आनी तहसील के थैरहवीं, कांगड़ा जिला के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत आम्बल ठेहड़ू और ग्राम पंचायत भाली के गांव भाली, पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के मतेहड़ गांव, सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के परवाणू, व जाडला, नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के जामली व धुलेट में नया आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने के साथ-साथ तीन पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। बैठक में सोलन जिला में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र गढ़खल को 20 बिस्तर क्षमता के आयुर्वेदिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ इस नव स्तरोन्नत संस्थान के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 11 पद सृजित कर उन्हें भरने का निर्णय लिया। बैठक में मंडयाल सभा सोलन को सामुदायिक हॉल के निर्माण के लिए सोलन तहसील के कोठों गांव में एक बीघा सरकारी भूमि 2,35,281 रुपये के वार्षिक पट्टे पर प्रति पांच वर्ष के बाद पांच प्रतिशत वृद्धि के साथ 30 वर्षों तक उपलब्ध करवाने को भी स्वीकृति प्रदान की है। मंत्रिमंडल ने विवेकानंद केन्द्र नाभा एस्टेट शिमला को हर्बल गार्डन और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 1,54,647 रुपये के वार्षिक पट्टे पर प्रति पांच वर्ष के बाद पांच प्रतिशत की वृद्धि के साथ 30 वर्षों के लिए अतिरिक्त भूमि आवंटित करने को भी स्वीकृति प्रदान की। शिक्षा विभाग से जुड़े निर्णय मंत्रिमंडल ने कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के शैक्षणिक खंड कुल्लू-प्रथम के अंतर्गत कियाणी में नया प्राथमिक विद्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रिड़कमार, सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरुणा तथा हमीरपुर जिला के नादौन विधानसभा क्षेत्र के गलोड़ में नए राजकीय महाविद्यालय खोलने और प्रत्येक महाविद्यालय के लिए विभिन्न श्रेणियों के 16 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में ऊना जिला के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के गांव कुठेड़ा बेला और गांव कैंट में नए राजकीय प्राथमिक विद्यालय खोलने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने चंबा जिला में नव-स्वीकृत राजकीय स्नातक महाविद्यालय बनीखेत में विभिन्न श्रेणियों के 12 पद भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में मंडी जिला के नेरचौक में स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल के परिसर में किए गए निर्माण को नियमित करने का भी निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जल शक्ति मंडल झंडूता के तहत तलाई में नया उपमंडल खोलने तथा इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के 4 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घरोह में वाणिज्य कक्षाएं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बोह एवं राजोल में विज्ञान (नॉन-मेडिकल) की कक्षाएं आरम्भ करने तथा आवश्यक पदों को सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में चम्बा जिले के राजकीय उच्च विद्यालय सरार, पुखरी, कदेड़, रान, भराड़ा और कांडला, मण्डी जिले के राजकीय उच्च विद्यालय, मंजखेतर, कांगड़ा जिले के राजकीय उच्च विद्यालय, गगवाल और हमीरपुर में राजकीय उच्च विद्यालय पनसाई को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में स्तरोन्नत करने और चम्बा जिले में राजकीय माध्यमिक विद्यालय झौरा, प्रियुंगल, करोरी, मंगली, अनियुंडा, सारंगेर, औला और बिहाली को राजकीय उच्च विद्यालय, कांगड़ा जिला के राजकीय माध्यमिक विद्यालय राजा खास, मण्डी जिला केे राजकीय माध्यमिक विद्यालय पंजोलठ को राजकीय उच्च विद्यालयों में स्तरोन्नत करने एवं इन संस्थानों में आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। बैठक में सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों चेवा, कांडा, गइघाट और कक्कड़हट्टी में वाणिज्य कक्षाएं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, प्राथा, भोजनगर और कोटबेजा में विज्ञान की कक्षाएं आरम्भ करने और इन शिक्षण संस्थानों को संचालित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों के 16 पद सृजित करने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने बागवानी विभाग में कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के चार पदों को भरने को स्वीकृति प्रदान की। जल शक्ति विभाग से जुड़े निर्णय मंत्रिमंडल ने जल शक्ति मंडल घुमारवीं के अंतर्गत बहेड़ में कनिष्ठ अभियंता अनुभाग और कपाहड़ा में एक अनुभाग खोलने तथा इनके लिए विभिन्न श्रेणियों के 8 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के जल शक्ति मंडल नगरोटा बगवां के अंतर्गत कंडी में नया अनुभाग खोलने तथा इसके लिए 4 पद सृजित कर इन्हें भरने को भी स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में जल शक्ति विभाग का नया मण्डल कार्यालय खोलने और इसके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 13 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने सोलन जिला के कनोला उपरला स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में फिटर, टेक्निकल मेकाट्रॉनिक्स, मेकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल और कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के नये ट्रेड आरम्भ करने तथा विभिन्न श्रेणियों के 14 पद सृिजत कर भरने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने जिला सोलन के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय (महिला) कंडाघाट में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पाठ्यक्रम और कांगड़ा जिले के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय तलवाड़ में फॉर्मेसी में डिप्लोमा पाठयक्रम शुरू करने और विभिन्न श्रेणियों के आवश्यक पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया। शहीदों के नाम पर होंगे इन शिक्षण संस्थानों के नाम बैठक में शहीदों के सम्मान में सिरमौर जिले के राजकीय उच्च पाठशाला कोटरी ब्यास का नाम बदलकर शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय उच्च पाठशाला कोटरी ब्यास, राजकीय उच्च पाठशाला सुनोग का नाम शहीद रविंदर सिंह चौहान राजकीय उच्च पाठशाला सुनोग, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुर देवरा का नाम शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुर देवरा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बानौर का नाम शहीद राजेन्द्र सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बानौर रखने का निर्णय लिया गया।
डीसी सोलन कृतिका कुलहरी ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 158-आर0 के तहत निहित प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए आवश्यक आदेश जारी किए हैं। पंचायती राज उपचुनाव के दौरान मतदान क्षेत्र में व साथ लगते क्षेत्र में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ अथवा शराब बेचने पर 48 घंटे पूर्व से पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान होटल, भोजनालय, सरायं, दुकान या अन्य स्थान पर मादक पदार्थ बेचे नहीं जा सकेंगे। कृतिका कुलहरी ने कहा कि ज़िला सोलन में पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव के मतदान की तिथि 10 अगस्त, 2022 निर्धारित की गई है तथा परिणाम घोषित होने तक मतदान क्षेत्रों के लिए निर्धारित अवधि में ड्राई डे रहेगा। ज़िला दण्डाधिकारी सोलन ने उप चुनावों के दृष्टिगत कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए तथा चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूर्ण करवाने के लिए अपराधिक प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत आदेश जारी किए कि मतगणना पूरी होने तक लाइसेंस प्राप्त हथियारों को ले जाने पर ज़िला सोलन के उप चुनाव से संबंधित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि के दौरान प्रतिबंध के उल्लंघन में हथियार और गोला-बारूद ले जाने वाले किसी भी व्यक्ति पर शस्त्र अधिनियम और दंड कानून के तहत मुकदमा चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आदेश सेना, अर्धसैनिक बल, राज्य पुलिस और होमगार्ड और केंद्रीय पुलिस पर लागू नहीं होंगे।
कांगड़ा जिला में हरियाली अभियान के तहत जिला में 24 लाख 52 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे जिसके तहत 2363 हेक्टेयर क्षेत्र कवर किया जाएगा। इस अभियान में रेडक्रास सोसाइटी, आयुष विभाग तथा वन विभाग प्रमुख तौर पर शामिल रहेंगे। यह जानकारी उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने बुधवार को बडूही में पौधारोपण करने के उपरांत दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से मिशन धनवंरी चार लाख के करीब औषधीय पौधे भी तैयार किए जा रहे हैं इसके साथ ही वन विभाग के नुरपुर, पालमपुर, देहरा, धर्मशाला मंडलों के लिए भी पौधारोपण के लिए लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि रेडक्रास सोसाइटी द्वारा चार अगस्त वीरवार से गमरू में हरियाली अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम 04 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण कार्यक्रम में महिला मंडल, युवा मंडल तथा स्थानीय नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी इसके साथ ही रोपित पौधों के सरंक्षण का दायित्व भी दिया जाएगा ताकि पौधारोपण कार्यक्रम सफल हो सके। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण में अपना रचनात्मक सहयोग सुनिश्चित करना चाहिए। उपायुक्त निपुण जिंदल ने कहा कि उपमंडल तथा ब्लाक स्तर पर भी अधिकारियों को पौधारोपण अभियान में बढ़ चढ़ कर भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं इसके साथ ही पंचायत स्तर पर भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में पर्यावरण की सुरक्षा अत्यंत जरूरी है, शुद्व जलवायु तथा मृदा स्खलन को रोकने के लिए भी पेड़ों का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ साथ पौधों की सुरक्षा भी अत्यंत जरूरी है। इस अवसर पर एसडीएम शिल्पी बेक्टा, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़ ने बुधवार को जिला परिषद हाल के सभागार में आयोजित जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों से सम्बन्धित नए व पुराने मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने विभागों से सम्बन्धित मामलों को समयबद्ध निपटाएं क्योंकि प्रदेश सरकार लोगों को स्वच्छ, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन प्रदान करने को कृतसंकल्प है तथा सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पंचायती राज प्रणाली को आवश्यक शक्तियां प्रदान कर सुदृुढ़ बनाया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में ग्राम पंचायतें अहम् भूमिका निभाती हैं तथा सरकार द्वारा विकास कार्य के लिए स्वीकृत राशि को सम्बन्धित क्षेत्र में पंचायतें व समितियों के माध्यम से कार्यान्वित किया जाता है। बराड़ ने कहा कि सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने में अधिकारियों का विशेष योगदान रहता है तथा विभागाध्यक्षों का दायित्व बन जाता है कि वह सरकार के कार्यक्रमों को ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचाने के लिए विशेष कदम उठाएं ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। इस दौरान 15वें वित्त आयोग की वर्ष 2022-23 की शैल्फ तैयार करने बारे चर्चा की गई। इस अवसर पर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त गन्धर्वा राठौड ने कहा कि वह परिषद के सदस्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए त्वरित कदम उठाएंगे। परिषद के सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी अश्वनी कुमार ने विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। परिषद की उपाध्यक्ष स्नेह लता और अन्य सदस्यों ने भी बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में महिलाओं के कल्याण और उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला मंडलों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर ने चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के सभागार में महिला मंडलों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अन्तर्गत आर्थिक सहायता को 31000 रुपये से बढ़ाकर 51000 रुपये किया गया है। इसी प्रकार, बेटी है अनमोल योजना के अन्तर्गत आर्थिक सहायता को बढ़ाकर 21000 रुपये किया गया है। पिछले वर्ष 9 करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर 30,851 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष में 2633 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वयं सहायता समूहों को 25000 रुपये अतिरिक्त रिवॉलविंग फंड टॉपअप के रूप में उपलब्ध करवाने का भी निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री शगुन योजना के अन्तर्गत अब तक 17 करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर 6626 लाभार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सहायिकाओं और मिड-डे मील कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ौतरी सुनिश्चित की गई है ताकि जमीनी स्तर पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले हजारों महत्वपूर्ण कार्यकर्ताओं के लाभ सुनिश्चित किए जा सके। इस अवसर पर पालमपुर विस क्षेत्र के 350 महिला मंडलों को भजन कीर्तन के लिए वाद्य यंत्र तथा 100-100 देवदार के पौधे भी वितरित किए गए। वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर ने इस अवसर पर केंद्र केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं व भजन कीर्तन पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया।
डॉक्टर विवेक सिंह चौहान एमडी मेडिसिन सिविल अस्पताल टोनी देवी में अब अपनी सेवाएं देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के अथक प्रयास से एमडी मेडिसिन की तैनाती सिविल हस्पताल टोनी देवी में हो गई है। बताते चलें कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के चलते सिविल हस्पताल टोनी देवी में लोगों को अक्सर एमडी मेडिसिन की कमी खलती थी, और इस विषय पर लगातार निकटवर्ती पंचायतों के लोग पंचायत प्रतिनिधि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मिले थे और आग्रह किया था कि यहां अस्पताल में एमडी मेडिसिन की तैनाती करवाई जाए। ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें, लोगों की इस जनहित की मांग को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के अथक प्रयासों से एमडी मेडिसिन सिविल हस्पताल टोनी देवी को मिल गया है। डॉ विवेक सिंह चौहान ने बुधवार को एमडी मेडिसिन का कार्यभार भी संभाल लिया है, भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर ने बताया एमडी मेडिसिन कि यहां पर तैनाती होने से इलाके के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और लोगों की जो पुरानी मांग की वह अव को पूरी हो गई है। ज़िला परिषद अध्यक्षा बबली देवी बीडीसी सदस्य अलका ठाकुर प्रधान पवन शर्मा पंचायत सिकांदर, प्रधान रविंद्र ठाकुर पंचायत बारी, दीवान चंद आदि ने एमडी मेडिसिन कि यहां तैनाती होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का आभार व्यक्त किया है।
संघ लोक सेवा आयोग की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की परीक्षा सात अगस्त को धर्मशाला में आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा के लिए धर्मशाला में भी चार परीक्षा केंद्र स्थापित किये गये हैं। धर्मशाला में पहली मर्तबा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाने की अनुमति प्रदान की गई। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बुधवार को परीक्षा के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त कार्यालय के सभागार में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा के आयोजन के लिए राजकीय (छात्र) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला, राजकीय (छात्रा)वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला तथा जिला शिक्षा प्रशिक्षण केंद्र, बीएड कालेज में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए अधिकारी तथा कर्मचारी नियुक्त किए जायेंगे। उपायुक्त ने संबंधित विभागों से परीक्षा केंद्रों में विद्युत, पेयजल तथा बैठने की उचित व्यवस्था समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी पुलिस कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में परीक्षा केंद्र के होने से जिला के साथ-साथ अन्य साथ लगते जिलों के उम्मीदवारों को बहुत सहूलियत होगी और उन्हें परीक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा ।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज जिला मण्डी के थुनाग क्षेत्र के महिला मण्डलों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने सराज क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए महिला मण्डलों की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की महिलाएं पूरी तरह से जागरूक हैं और उन्हें प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करने तथा लोगों को राष्ट्रीयता की भावना से परिपूर्ण इस अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में वर्ष 2018 में प्राकृतिक खेती अपनाने की पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल इस प्रणाली को अपनाने में देश का पथ प्रदर्शन कर रहा है और अन्य राज्य प्राकृतिक खेती प्रणाली में हिमाचल मॉडल को अपना रहे है। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली को अपना कर हम बच्चों का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं। हमें इस दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। इस अवसर पर आयोजित किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति का संरक्षण करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह जीवनशैली और व्यवहार हमारी पहचान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 1.71 लाख किसानों ने प्राकृतिक खेती को अपनाया है और केवल मण्डी जिला में ही 26 हजार से अधिक किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उन्होंने थुनाग में औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार भी व्यक्त किया।
यह बैठक सभा के वरिष्ठ उप प्रधान ई.रुपेन्द्र कौशल की अध्यक्षता में आयोजित की गई सभी सदस्यों ने बैठक में बढ़चढ़ कर भाग लिया। बैठक मे इकाई के प्रधान ई.रत्न तनवर ने बताया कि डिविजनों से पता करने पर ज्ञात हुआ कि बोर्ड द्वारा कुछ श्रेणियों के वेतनमानों में 2012 से बदलाव के आदेश होने के कारण 1.1.2016 के बाद सेवानिवृत हुए कर्मचारियों की पे फिक्सेशन दुबारा होने के कारण ज्यादा समय लग रहा है तथा इस कारण इस माह की पैन्शन नए वेतनमानो के अनुसार नही दी जा सकी है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि पैन्शनरज को पंजाब सरकार के आदेशों के अनुसार धारा 5.1 ( ए) की आप्शन के आदेश तुरन्त लागु करे। उन्होने बोर्ड से मांग की कि पेन्शन भत्ता संशोधित बेसिक पे पर दिया जाए। पेंशनरों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
जिसमें भजन कीर्तन सामान के साथ सम्मानित करने व एक सप्ताह तक चलने वाले महिला मंडल के पौधारोपण अभियान का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री ने पालमपुर ऑडिटोरियम में उपस्थित अपार भीड़ रूप में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए यह कहा कि डबल इंजन की सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में पूरी तरह वचनबद्ध है। देश और प्रदेश की सरकार ने जिस भाव के साथ महिलाओं के विकास के क्षेत्र में एक से एक बढ़कर कल्याणकारी निर्णय लिए हैं उससे यह स्पष्ट है कि आने वाले चुनावों में महिलाओं का जयराम सरकार को समर्थन और सहयोग मिलना निश्चित है। उन्होंने इस अवसर पर महिलाओं को अध्यात्मिक से जुड़ी एक भजन पुस्तिका का भी विमोचन किया गया, जिसमें केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का भी विस्तार पूर्वक वर्णन है। उपस्थित बहनों से यह आग्रह किया कि हर रविवार शाम 4 बजे सभी बहनें इकट्ठे होकर भजन कीर्तन संध्या से पहले सरकार की योजनाओं की चर्चा करें ताकि हर पिछड़े से पिछड़े व गरीब परिवार को भी सरकार की हर योजनाओं की जानकारी मिले। उन्होंने एक सप्ताह तक चलने वाले पौधारोपण अभियान पर चर्चा करते हुए कहा कि हर महिला मंडल 100 पौधे रोपित ही नहीं करेगा बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी अपने हाथ में लेगा और इस प्रकार 35000 पौधों का एक लक्ष्य 350 महिला मंडलों के लिए एक अद्भुत अनुभव होगा। उन्होंने इस अवसर पर कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से चलाए जा रहे कार्यक्रम में दिए जाने वाले सहयोग के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर वन मंडल अधिकारी डॉ नितिन पाटिल, उप मंडल अधिकारी डॉ अमित गुलेरिया, पुलिस उप अधीक्षक गुरबचन सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बीएम ठाकुर, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग संजय ठाकुर, सहायक अभियंता जल शक्ति विभागों अमित चौधरी , महिला मोर्चा अध्यक्ष अमिता राणा, जिला महामंत्री नरेंद्र भट्ट, मंडल महामंत्री अमरजीत राणा, जिला कोषाध्यक्ष कैप्टन श्यामलाल, जिला महिला मोर्चा महामंत्री पूनम भट्ट, मंडल महामंत्री रंजना भट्ट, लता पटियाल, खेल प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक आकाशदीप जरयाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, शांति शर्मा, मनोनीत पार्षद ललित शर्मा, राकेश गिल, युवा मोर्चा जिला महामंत्री राकेश कुलेठी, युवा मोर्चा अध्यक्ष वरुण कपूर, मान चंद ठाकुर, पूनम शर्मा लक्ष्मी मैहता, मीनू देवी, देशराज ठाकुर, साहिल नाग, अनूप शर्मा आदि कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
जयसिंहपुर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान तलवाड़ में फार्मेसी की कक्षाएं होंगी शुरू। आज शिमला में आयोजित मंत्रीमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया जयसिंहपुर विधानसभा के क्षेत्र में बने राजकीय बहुतकनीकी संस्थान तलवाड़ में फार्मेसी की कक्षाएं शुरू होने से क्षेत्र में खुशी का महौल बना है। बात करे तो इस अब यहां के बच्चों को दूर दराज़ के क्षेत्रों में पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा। इनको यह सब सुविधा तलवाड़ में बने तकनीकी संस्थान में ही मिल जाएगी। वही साथ में मंत्रीमंडल की बैठक में बहु तकनीकी संस्थान तलवाड़ में विभिन्न श्रेणियों के आवश्यक पद भरने का भी निर्णय लिया। वही स्थानीय जनता ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त भी किया।
विधायक नरेंद्र ठाकुर ने हमीरपुर में कॉंग्रेस पार्टी की बैठक में हुई गहमागहमी और मार-पीट की घटना पर तंज कस्ते हुए कहा कि कॉंग्रेस पार्टी अब पार्टी न रहकर कुश्ती का अखाड़ा बन गई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में पार्टी की प्रदेशाध्यक्षा प्रतिभा सिंह के नदौन प्रवास के दौरान सुखविंदर सुखू का नदारद रहना भी पार्टी के बीच की अंतर्कलह को दर्शाता है। ऐसे में कॉंग्रेस पार्टी प्रदेश की कमान सँभालने के लिए अभी पूर्णतः परिपक्व नहीं है। उन्होंने कहा कि कॉंग्रेसी नेता जनता के बीच जाकर झूठे प्रलोभनों से जनता को लुभाने की कोशिश कर रही है, परन्तु प्रदेश की बुद्धिजीवी जनता अंतर्कलह से जूझ रहे एक अस्थिर राजनीतिक दल को अपना समर्थन कभी नहीं देगी। नरेन्द्र ठाकुर ने कॉंग्रेस के नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि आत्मचिंतन करके पहले पार्टी में अनुशासन लाएं उसके बाद चुनाव में जीत का ख्वाब देखें। नरेन्द्र ठाकुर ने कहा कि देश के इतने पुराने राजनीतिक दल की जिलास्तरीय बैठक में इस प्रकार से हंगामा होना अति दुर्भाग्यपूर्ण है और कॉंग्रेस पार्टी के खोखलेपन को दर्शाता है। पार्टी के एक विधायक द्वारा अपने ही कार्यकर्ताओं के प्रति प्रकार की अभद्र भाषा और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग होना साफ़ दर्शाता है कि कॉंग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के आत्मसम्मान के प्रति बिल्कुल भी सम्वेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के नेता अपने कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं दे सकते वो जनता को क्या इज़्ज़त देंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आज ओक ओवर शिमला में कॉलेज प्राध्यापकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त कार्य समिति के सचिव डॉ. आर.एल शर्मा के नेतृत्व में भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्राध्यापकों को संशोधित यूजीसी वेतनमान प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने साढ़े चार वर्षो के कार्यकाल में कर्मचारियों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सभी कर्मचारी वर्गों को उनके देय लाभ व अन्य सुविधाएं समय-समय प्रदान की हैं। प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त कार्य समिति के सदस्य डॉ. जे.एस. सकलानी, नितिन व्यास सहित अन्य प्राध्यापक शामिल थे।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत हम अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने का भी संकल्प लेंगे जो कहते हैं कि हमें संविधान का पालन करना चाहिए और अपने राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करना चाहिए, स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों का पालन करना चाहिए, भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करें, देश की रक्षा करें और जब आह्वान किया जाए तो राष्ट्रीय सेवाएं प्रदान करें, हमारे पास समान भाईचारे की भावना होनी चाहिए, समग्र संस्कृति को संरक्षित करना, प्राकृतिक पर्यावरण को संरक्षित करना, वैज्ञानिक स्वभाव विकसित करना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना और उत्कृष्टता के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोग्राम है। इस कार्यक्रम के दौरान पूरे देश में राष्ट्रवाद का माहौल बनेगा, आज हमारे देश के प्रत्येक नागरिक को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के स्वतंत्रता संग्राम की के बारे में गहराई से पता होना चाहिए जिन्होंने हमारे बेहतर और सुरक्षित भविष्य के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया की दुनिया में एक बड़ा अभियान चल रहा है जहां हम सभी ने अपने प्रदर्शन चित्रों पर अपना राष्ट्रीय ध्वज लगाया है। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार की एक पहल है और पूरे कॉन्सेप्ट में भाजपा तेजी लाने की भूमिका निभा रही है।
उपमण्डल अधिकारी विवेक महाजन की अध्यक्षता में गत दिनों आयोजित बैठक में पौधा रोपण के लिए यमुना तट के साथ लगते यमुना विहार को चिन्हित किया गया था। बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार आज यमुना विहार में पौधा रोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान यमुना विहार में यमुना तट पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर उपमंडल स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने पौधा रोपण कर इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। इस के अतिरिक्त विभिन्न समाजसेवी संस्थाएँ हरि यमुना सहयोग समिति पांवटा साहिब, क्लीन पांवटा ग्रीन पांवटा, हिमोत्कर्ष, रोटरी क्लब, प्रेस क्लब, आशावर्कर, आँगनवाडी वर्कर, विभिन्न स्वयं सहायता समूह ने भी इस पौधारोपण अभियान में शामिल होकर यमुना तट पर पौधा रोपण किया। इस दौरान नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर तथा नगर पालिका परिषद के पार्षद, अध्यक्ष हिमोत्कर्ष राजेन्द्र तिवारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ० के०एल० भगत, बाल विकास पियोजना अधिकारी रूपेश तोमर, कार्यकारी अधिकारी नगर पालिका परिषद अजमेर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवम् कर्मचारी मौजूद रहे।
देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा लहरा कर मनाया जा रहा है। इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश में भी आजादी का अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा फहराने को लेकर पार्टी पदाधिकारी बैठकों का आयोजन करके इस राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लग गए हैं। इसी क्रम में जिला हमीरपुर में हर घर तिरंगा फहराने के कार्यक्रम को लेकर विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक जिला संयोजक विशाल पठानिया जिला सह संयोजक अनिल परमार के साथ सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष विरेंद्र ठाकुर महामंत्री अनिल शामा कैप्टन सुरेश के साथ पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में चर्चा करते हुए कहा गया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आजादी का अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा लहरा कर मनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम 9 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित होंगे। हिमाचल प्रदेश के साथ साथ जिला हमीरपुर में किस तरह से कार्यक्रम आयोजित होंगे कार्यक्रमों को सही एवं सयोजित तरीके से करने के लिए यह विशेष बैठक आयोजित की गई है। बैठक में बताया गया कि 9 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लहराने का कार्यक्रम किया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान, देश भक्ति पर आधारित कार्यक्रम, तिरंगा यात्रा, शहीद स्मारकों पर धबज फहराने एवं अपने अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हर घर व्यापारिक प्रतिष्ठान अन्य संस्थानों पर झंडा फहराया जाएगा। स्वेच्छा से हर कोई आजादी का अमृत महोत्सव मनाए और अपने अपने संस्थानों पर झंडा फहरा कर इस आजादी के अमृत महोत्सव में शामिल हो। भाजपा पदाधिकारियों ने संबंधित विषय पर बैठक आयोजित करके प्रत्येक मंडल में जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं भाजपा के तमाम मोर्चा प्रकोष्ठ इस हर घर झंडा लहराने के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने अपने क्षेत्र अपने अपने गांव के साथ-साथ अपने अपने मोहल्ले में इस अभियान को सफल बनाएंगे। बैठक का आयोजन कर के तमाम भाजपा पदाधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से समीरपुर में जाकर भेंट की, और निर्धारित कार्यक्रम की जो रूपरेखा तैयार की है, उसको लेकर चर्चा की भाजपा पदाधिकारी ने कहा कि जिला भाजपा द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम शानदार तरीके से मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया गया यह अभियान प्रदेश के साथ-साथ हर जिला में आयोजित होगा।
ज्वालामुखी आम आदमी पार्टी द्वारा डोर टू डोर प्रचार किया जा रहा है। आप नेता अभिषेक राणा ने बताया कि जिसमें पदाधिकारियों से आम जनता की तरफ से मांग आ रही की आम आदमी पार्टी जॉइन करने लिए वह कहाँ आये इसे ध्यान मे रखते हुए आम आदमी पार्टी ज्वालामुखी ने पार्टी ऑफिस की शुरुआत कर दी हैl इस मौके पर ज्वालामुखी विधानसभा की सारी टीम अभिषेक राणा यूथ अध्यक्ष, गगन दीप, कौर चन्द, सुनील कुमार संग़ठन मंत्री, नितिन अंगारिया यूथ उपाध्यक्ष, नरेश कुमार मोनु, अमित कपूर , परिक्षा सूद, लखबीर, सीता राम, सोनिया व सभी कार्यकर्ता मौजूद रहेl कार्यालय उद्घाटन होने के उपरांत प्रेस वार्ता मे पार्टी ब्लॉक यूथ विंग के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने बताया की आने वाले समय मे आम आदमी पार्टी की सुनामी ज्वालामुखी मे ही नही पूरे प्रदेश मे इस बार के विधानसभा चुनाव मे देखने को मिलेगी। इस मौके पर मुख्यतिथि गुरनीश अगरवाल, चम्बा कांगडा लोक सभा इंचार्ज व संजय भारद्वाज जिला कांगडा इंचार्ज उपस्थित रहेl यह समारोह ज्वालामुखी विधानसभा इंचार्ज अभीजीत रॉय की देख रेख मे सम्पन हुआl
जिला कुल्लू की एसआईयू टीम ने बंजार उपमंडल में एक व्यक्ति को 8 किलोग्राम से अधिक चरस के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस की एसआईयू टीम बंजार क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एसआईयू टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक चरस तस्कर बड़ी खेप लेकर आ रहा है, जिसके चलते पुलिस ने व्यक्ति को योजनाबद्ध तरीके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बीती देर रात को पुलिस थाना बंजार क्षेत्र में एसआईयू की टीम घरटगाड़ के पास गश्त पर थी और इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति से तलाशी के दौरान 8.104 ग्राम चरस बरामद की है। वहीं गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान (22) सुरेश कुमार पुत्र मिनेराम निवासी गांव देवधार डाकघर भरैण उप तहसील सैंज जिला कुल्लू के रूप में हुई है। उधर, व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के पटनौण के रहने वाले वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने बर्मिंघम में हो रही राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को रजत पदक दिलाया। उन्होंने पुरुषों के 96 किग्रा भारवर्ग में यह मेडल अपने नाम किया। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में यह भारत का 12वां मेडल है, जबकि वेटलिफ्टिंग में आठवां मेडल है। वहीं, अगर इस मैच की बात करें तो विकास ने स्नैच राउंड में 155 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 191 किग्रा भार उठाया। यानि, उन्होंने कुल 346 किग्रा भार उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया। भारतीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर से आगे समोआ के डॉन ओपेलोग रहे। समोआ के डॉन ओपेलोग ने स्नैच राउंड में 171 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 210 किग्रा भार उठाया. यानि, समोआ के वेटलिफ्टर ने कुल 381 किग्रा भार उठाया। दरअसल, यह कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकार्ड है. वहीं, विकास की बात करें तो उन्होंने पहले प्रयास में 149 किग्रा भार उठाया। विकास ठाकुर ने पहले प्रयास के बाद 153 और फिर 155 किग्रा भार उठाया.। इस तरह स्नैच में विकास ठाकुर का बेस्ट परफॉरमेंस 155 किग्रा रहा। दरअसल, विकास ने क्लीन एंड जर्क राउंड के पहले प्रयास में 187 किग्रा भार उठाया, लेकिन प्रयास में उन्होंने अपने प्रदर्शन को बेहतर किया।दूसरे प्रयास में भारतीय वेटलिफ्टर ने 191 किग्रा भार उठा लिया।। वहीं, तीसरे प्रयास में विकास 190 किग्रा भार उठाना चाह रहे थे, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इस तरह स्नैच और क्लीन एंड जर्क को मिलाकर उन्होंने 346 किग्रा भार उठा लिया। वहीं विकास की उपलब्धि के बाद पूरे प्रदेश में ख़ुशी की लहर है। विकास के घर पर बधाइयों का ताँता लगा हुआ है। विकास की उपलब्धि पर पुर मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने उन्हें बधाई दी है। बधाई संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरी बार विकास ने पदक जीता है। विकास पर सब को गर्व हैं। मैं इस युवा होनहार प्रदेश का नाम रोशन करने वाले इलाके के खिलाड़ी को बधाई और शुभकामनाएँ देता हूं और उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आह्वान कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हम सभी को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में शामिल होकर अपना योगदान सुनिश्चित बनाना चाहिए। राज्यपाल गत सायं चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में भारत विकास परिषद द्वारा अपने 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘अलंकरण समारोह’ के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि आजादी के अमृत महोत्सव मेंसभी को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में शामिल होकर अपना योगदान सुनिश्चित बनाना है। उन्होंने कहा कि आजादी के इन 75 वर्षों का हमें आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है और यह दायित्व देश का प्रतिनिधित्व करने वालों का ही नहीं बल्कि हर व्यक्ति का है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ विषय हम सब के समक्ष रखा है और इस उत्सव को सफल बनाने की चिंता हम सब की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में परिवर्तन आ रहा है, जिसके हम साक्षी बने हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज हम विश्व को देने योग्य बने हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुछ भी बनने से पूर्व अच्छा इंसान होना जरूरी है क्योंकि एक अच्छा इंसान ही समाज में परिवर्तन लाता है। शिक्षा क्षेत्र में बदलाव के लिए उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह देश को दिशा देने वाली नीति है। राज्यपाल ने भारत विकास परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कुशल और कौशल का सम्मान किया है। उन्होंने परिषद से विभिन्न सामाजिक प्रकल्पों के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा हर घर तिरंगा जैसे विषय को भी आगे बढ़ाने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर, कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति प्रो. एच.के. चौधरी ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत विविधता का देश है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। जसवां परागपुर जसवां परागपुर प्रेस क्लब के गठन होते ही उक्त क्लब सुर्खियों में है इस प्रेस क्लब के गठन में जहां वरिष्ठ पत्रकारों को पूरा सम्मान दिया गया है। वहीं, युवाओं को भी अहम ओहदे पर बिठाकर तरजीह दी गई है। इसी क्रम मे बात करें युवा पत्रकार विनायक ठाकुर की, तो उनकी काबलियत को देखते हुए तमाम पत्रकार बंधुओं द्वारा प्रेस क्लब जसवां-परागपुर के कोषाध्यक्ष का पद दिया गया है। विनायक ठाकुर क्षेत्र मे सबसे छोटी उम्र के पत्रकार हैं। साथ ही वह सक्रिय रूप 3 विधानसभा में कार्य कर रहे हैं। उनके काम को देखते हुए प्रेस बंधुओं द्वारा उन्हें कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पत्रकार विनायक ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए सभी पत्रकार साथियों का धन्यवाद किया है।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर अधिकारी विचित्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण अष्टमी के चौथे नवरात्र पर भक्तों द्वारा 5 लाख 21 हजार 925 रुपए की राशि माता के चरणों मे अर्पित की है। उन्होंने बताया कि पांचवें नवरात्र पर लगभग 10-15 हजार श्रद्धालु माता के दर्शनों को पहुंचे हुए। 40 सीसीटीवी कैमरों से मंदिर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। श्रद्धालु पंक बद्ध दर्शन कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है। मंदिर अधिकारी विचित्र सिंह ने बताया कि ज्वालामुखी मंदिर में दिन में हजारों लोग दर्शन हेतु आ रहे हैं जिनके लिए तमाम व्यवस्थाएं मन्दिर प्रशासन द्वारा की गई है।
विनायक ठाकुर । देहरा उपमंडल देहरा के अंतर्गत पड़ते जालंधर लाहड़ निवासी सुनील कश्यप को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बड़े ओहदों से नवाजा है। वहीं, चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस कमेटी ने देहरा से ताल्लुकात रखते सुनील कश्यप को कांग्रेस के ओबोसी विभाग का प्रदेश प्रवक्ता व नादौन विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। इसके उनकी इस ताजपोशी से देहरा विधानसभा क्षेत्र में खुशी की लहर है। इससे पहले भी सुनील कश्यप कांग्रेस में अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। कांग्रेसी नेता सुनील कश्यप ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रानी प्रतिभ सिंह, नादौन विधायक ठाकुर सुखविंद सिंह सुखु, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के चेयरमैन विक्रम चौधरी, संजय कुमार महासचिव एवं समस्त कांग्रेस कमेटी का धन्यवाद किया है।


















































