हिमाचली (Himachal Pradesh) चुनावों में अपनी अदभुत चुनावी प्रतिभा को लोहा मनवा चुके सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा को अब अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से चंडीगढ़ नगर निगम में चुनाव कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। पंजाब व चंडीगढ़ कांग्रेस के इंचार्ज हरीश चौधरी ने तत्काल प्रभाव से राजेेंद्र राणा को यह प्रभार संभालने की नोटिफिकेशन जारी की है। राजेंद्र राणा हिमाचल में हुए सोलन नगर निगम के बाद विधानसभा उपचुनावों में फतेहपुर के चुनाव प्रभारी रह चुके हैं। दोनों ही स्थानों पर विकट परिस्थितियों के बावजूद राणा की रणनीति के चलते कांग्रेस की जीत प्रचंड बहुमत से हुई है। चुनावी विधा में टास्क मास्टर साबित हो चुके राणा की इसी विशेषता के कारण अब उन्हें चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों का चुनाव को ऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। बतौर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कॉर्डिनेटर अब राजेंद्र राणा नगर निगम चंडीगढ़ में कांग्रेस के लिए काम करेंगे। चंडीगढ़ में 15 फीसदी हिमाचली रहते हैं। जिनके हितों और हकों के लिए हर दम सक्रिय रहने वाले राजेंद्र राणा की चंडीगढ़ की जनता के साथ-साथ इस वर्ग पर गहरी पैठ है। इसी के मद्देनजर अब राणा को एआईसीसी ने यह प्रभार सौंपा है। चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव पंजाब व चंडीगढ़ में विशेष महत्व रखते हैं। पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले 24 दिसंबर को होने वाले चुनावों में कांग्रेस हर सूरत काबिज होना चाहती है। पिछले 2 टर्म से चंडीगढ़ नगर निगम पर बीजेपी का कब्जा है। अब देखना यह है कि हिमाचल के दो चुनावों में टास्क मास्टर साबित हुए राणा चंडीगढ़ नगर निगम पर कांग्रेस को कैसे काबिज करवाते हैं। चंडीगढ़ नगर निगम के चुनावों के नोमिनेशन के आखिरी रोज 4 दिसंबर को जारी हुई इस नोटिफिकेशन ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में राणा का सियासी कद और बढ़ाया है। जिसने अब राणा को एक बार फिर खुद को साबित करने के लिए नई चुनौती पेश की है। कोई भी चुनाव किसी भी पार्टी नेता के लिए चुनौती रहता है। लेकिन जनता के विश्वास व भरोसे पर हमेशा खरे साबित होने वाले नेता हर चुनौती से पार पा लेते हैं। मुझे जो जिम्मेदारी दी है मैं उस पर 100 फीसदी खरा उतरने के लिए दिन-रात मेहनत करते हुए प्रयास करुंगा। मुझे विश्वास है कि जनता के विश्वास के कारण कांग्रेस चंडीगढ़ नगर निगम के चुनावों में जीतेगी। Himachal News
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा है कि इतिहास हमारी सभ्यता, संस्कृति और साहित्य का अभिन्न अंग है और यह तथ्यों पर आधारित होना चाहिए। इसे हम नजरअंदाज नहीं कर सकते। राज्यपाल ने शनिवार को हमीरपुर के निकट ठाकुर जगदेव चंद ठाकुर स्मृति शोध संस्थान में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत "भारतीय स्वाधीनता आंदोलन: वृत्तांत, स्मृतियां एवं नेपथ्य-नायक" विषय पर आयोजित राष्ट्रीय परिसंवाद एवं वेबीनार के उदघाटन सत्र को संबोधित किया। यह दो दिवसीय परिसंवाद भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद और केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के इतिहास विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश भर के विद्वानों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी हमारे इतिहास के कई महत्वपूर्ण विषयों को अभी तक स्पर्श ही नहीं किया गया है, ऐसे विषयों पर कई बार हम चर्चा करने से भी डरते हैं। इस दिशा में नेरी में आयोजित यह परिसंवाद निःसंदेह एक मील का पत्थर साबित हो सकता है। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि ऐतिहासिक घटनाओं की सही डाॅक्यूमेंटेशन एवं तथ्यात्मक जानकारी आज की पीढ़ी तक पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने हमारी समृद्ध संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। भारत के इतिहास के संकलन की आवश्यकता पर भी बल देते हुए राज्यपाल ने कहा कि हमारा देश आजादी के बाद ही राष्ट्र नहीं बना था, बल्कि यह तो हजारों वर्ष से एक राष्ट्र के रूप में अपने पहचान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश भारतीय इतिहास में कई तरह की भ्रांतियां पैदा हुई हैं, जिनका निवारण करना वर्तमान इतिहासकारों एवं शोधार्थियों की जिम्मेदारी है। राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि नेरी में आयोजित परिसंवाद में व्यापक अमृत-मंथन के बाद कुछ नया निकलकर आएगा जोकि देश को एक नई दिशा की ओर अग्रसर करेगा। राज्यपाल ने कहा कि आज हमारा देश जहां अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, वहीं गोवा भी अपनी मुक्ति का 60वां वर्ष मना रहा है। उन्होंने बताया कि भारत की आजादी के 14 वर्षों के उपरांत गोवा पुर्तगाली शासन से मुक्त हुआ था। उन्होंने कहा कि गोवा की मुक्ति के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय और अन्य महापुरुषों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। इनमें उन्होंने जिला कांगड़ा के राम सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोवा में आज भी लोकसंस्कृति जीवंत है। Shimla News
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि जनप्रतिनिधि का मुख्य ध्येय लोक कल्याण तथा समाज सेवा होना चाहिए ताकि आमजन को समय पर सहायता प्रदान की जा सके। डाॅ. सैजल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जौणाजी के फ्लाई, कनाह तथा दरांह-मनूह में 21 लाख रुपए की लागत से निर्मित 03 सामुदायिक भवनों का लोकार्पण करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। ग्राम पंचायत जौणाजी के दरांह-मनूह में 15 लाख रुपए, फ्लाई में 03 लाख रुपए तथा कनाह में 03 लाख रुपए की लागत से एक-एक सामुदायिक भवन निर्मित किया गया है। डाॅ. सैजल ने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों को विकास कार्यों के माध्यम से जनता के ऋण को उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास के लाभ जन-जन तक पहुंचाना ही प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। आयुष मंत्री ने कहा कि विकास एक सत्त प्रक्रिया है। कोई भी विकास कार्य जनता के सहयोग के बिना सम्पन्न नहीं होता। उन्होंने कहा कि लोकतन्त्र में जनता अपने प्रतिनिधियों को बड़ी उम्मीदों के साथ चुनती है और आमजन की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए जन प्रतिनिधियों को दिन-रात मेहनत करनी चाहिए। जनता के आशीर्वाद से ही जनप्रतिनिधि विकास को नई दिशा प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में वीआईपी संस्कृति को समाप्त करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने नवीन योजनाएं आम्भ की हैं। इनके व्यापक स्तर पर बेहतर परिणाम आए हैं। उन्होंने कहा कि जनमंच के माध्यम से प्रदेश सरकार लोगों के घरद्वार पर पहुंचकर जनसमस्याओं का हल कर रही है। हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के माध्यम से राज्य की हर महिला को संबल मिला है। योजना के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार को निःशुल्क गैस कुनैक्शन प्रदान किया गया है। इससे जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला है वहीं महिलाओं को धुएं से भी राहत मिली है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोविड के संकट से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने व्यापक पग उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण की पहली डोज लगाने में हिमाचल पूरे देश में प्रथम रहा है। डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर आश्वासन दिया कि क्षेत्र की विभिन्न मांगों को चरणबद्ध आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा। इससे पूर्व बीडीसी सोलन के उपाध्यक्ष लक्ष्मी ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न मांगे उनके समक्ष प्रस्तुत की। बीडीसी सोलन के अध्यक्ष भीम सिंह, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य रविन्द्र परिहार, भाजपा जिला महामंत्री नंदराम कश्यप, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शीला, भाजपा मंडल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, महामंत्री संजीव सूद, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र ठाकुर, चंद्रकांत शर्मा, ग्राम पंचायत मशीवर के प्रधान नरेन्द्र ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान जौणाजी की प्रधान जयवंती कश्यप, उप प्रधान अमरदत शर्मा, बीडीसी सदस्य किरण, ललिता, उपभोक्ता विपणन समिति के निदेशक कान्ति स्वरूप शर्मा, ग्राम पंचायत कोठों के उप प्रधान सुनील ठाकुर, भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष संतोष भारद्वाज, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे। Solan News
कुनिहार के मिडल स्कूल सिहांवाँ में स्कूल की चपरासी के कोरोना पॉजिटिव आने से स्कूल में पढ़ रहे बच्चों व अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार मिडल स्कूल सिहांवाँ में चपरासी के पद पर कार्यरत महिला की तबियत खराब होने के कारण जब महिला सी एच कुनिहार पहुंची तो वहां कोरोना का टैस्ट किया तो महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिला को 108 एम्बुलेंस में उसके घर पहुंचाकर 14 दिन के लिए कवरन्टीन कर दिया गया। महिला की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के कारण शनिवार को स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कृष्ण चन्द वर्मा व टीम द्वारा स्कूल के 3 स्टाफ व 28 बच्चों के कोरोना टैस्ट किये गए जिसमे सभी की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। जिससे स्कूल प्रबंधन व अभिभावकों ने राहत की सांस ली। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक ने बताया कि महिला की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के कारण महिला को 14 दिनों को होम कवरन्टीन कर दिया गया है व स्कूली बच्चों व स्टाफ के सैम्पल लिए गए जिसमे सभी की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबन्धन द्वारा विद्यालय को सेनेटाइज किया जा रहा है। Kunihar Solan News
एहसास क्लब कुनिहार के सौजन्य से हिम एकादश ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन महाराजा पदमसिंह स्टेडियम कुनिहार (तालाब) में करवाया जा रहा है। जानकारी देते हुए क्लब के सदस्य हरजिंदर ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ रविवार 5 दिसम्बर से होगा जिसमे स्थानीय टीमो सहित अन्य क्षेत्रो से भी बेहतरीन टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के फाइनल में विजेता टीम को 51 हजार व ट्राफी तथा उप विजेता टीम को 31 हजार व ट्राफी के साथ सम्मानित किया जाएगा। एहसास क्लब के सभी सदस्यों ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि क्रिकेट प्रतियोगिता का आनन्द लेने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पधारे ताकि साथ साथ खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़े। Kunihar Solan News
राज्य एकल खिड़की स्वीकृति एवं अनुश्रवण प्राधिकरण की 20वीं बैठक शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नए औद्योगिक उद्यम स्थापित करने और वर्तमान इकाईयों के विस्तार के 19 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें लगभग 1,376.93 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे लगभग 2,266 व्यक्तियों को रोजगार प्राप्त होगा। इससे यह प्रदर्शित होता है कि आर्थिक मंदी के बावजूद राज्य निवेश को निरंतर आकर्षित कर रहा है। प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत प्रस्तावों में जिला शिमला के ठियोग के मोहाल गजेड़ी में मै. न्यू वजीर चन्द फ्रूट्स (एनडब्ल्यूसी) को सीए स्टोर स्थापित करने, जिला सोलन के नालागढ़ के गांव खेड़ा निहला में मै. लामी ट्यूबस प्राईवेट लिमिटेड को लेमिनेटिड ट्यूबस और एफएफएस ट्यूबस का निर्माण करने, जिला सोलन के नालागढ़ स्थित किरपालपुर में मै. एमजी पेट्रोकेम प्राईवेट लि. को इथनाॅल, पशु चारा व कार्बनडाईऑक्साइड उत्पादन करने, जिला सोलन के नालागढ़ स्थित किरपालपुर में मै. हाईगेना लाइफ साइसिंज प्राईवेट लि. को इथनाॅल, पशु चारा और कार्बनडाईऑक्साइड का उत्पादन करने, जिला सोलन की तहसील नालागढ़ के किरपालपुर में मै. आरएसए एनर्जी प्राईवेट लि. को इथनाॅल, पशु चारा और कार्बनडाईऑक्साइड का उत्पादन करने, जिला सोलन के नालागढ़ स्थित किरपालपुर में मै. भारत स्पिरिट् को इथनाॅल का उत्पादन करने, जिला सोलन के बद्दी स्थित गांव कालूझण्डा के मै. इवेट्स ग्लास एंड पाॅलिमर प्राईवेट लि. को पैट बोतल, लामी ट्यूब और पीवीसी केबल का निर्माण करने, जिला सोलन के नालागढ़ स्थित गांव खेड़ा निहला के मै. प्रो फ्लैक्सी पैकिंग प्राईवेट लि. को प्लासटिक ट्यूब का निर्माण करने, जिला सोलन के बद्दी स्थित गांव धर्मपुर में मै. ओकाया इवी प्राईवेट लि. को विद्युत वाहनों से संबंधित सामान और उपकरण बनाने, जिला सोलन की तहसील बद्दी स्थित गांव भोर्ड के मै. ईर फार्मा को इजेक्शन व सिरिंज का निर्माण करने, जिला सिरमौर के काला अम्ब स्थित औद्योगिक क्षेत्र जौहरों में मै. जर्मन फार्मूलेशन को टेबलेट, तरल इंजेक्शन और हैंड सेनेटाइजर इत्यादि का निर्माण करने, जिला सिरमौर के कालाअम्ब स्थित गांव पिपलवाला में मै. नितिन लिक्कर्ज को आइएमएफएल लिक्कर्ज व देसी शराब का उत्पादन करने और जिला सोलन की तहसील नालागढ़ के गांव अधुवाल में मै. जैन शाॅलस को डाइड फेबरिक का निर्माण करने के प्रस्तावों को अनुमति प्रदान की। प्राधिकरण ने जिन विस्तार प्रस्तावों को अनुमति प्रदान की उनमें जिला सोलन की तहसील कसौली के गांव व डाकघर जाबली में मै. कोस्मो फेराइटस लि. को फेराइट कोर, फेराइट पाॅउडर और ट्रांसफार्मर का निर्माण करने, जिला सोलन की तहसील बद्दी स्थित गांव थाना में मै. श्री नैना पैकेजिंग को कोरोगेटिट बाॅक्स का निर्माण करने, जिला सिरमौर के पावंटा साहिब के औद्योगिक क्षेत्र गोंदपुर में मै. एएस पैकर्ज यूनिट-2 को कार्टन और मोनोकार्टन, लेबल व प्लासटिक केपस इत्यादि का निर्माण करने, जिला सोलन में तहसील बद्दी स्थित गांव बलयाणा में मै. हिन्दुस्तान यूनिलिवर लि. को साबुन की टिक्कियां का उत्पादन करने, जिला सोलन तहसील बद्दी स्थित गांव संधोली में मै. मोंडेलेज इंडिया फूड्स प्राईवेट लि. को बोर्नविटा, चाॅकलेट व क्रुम्ब का उत्पादन करने के लिए औद्योगिक इकाई का विस्तार करने, जिला सोलन तहसील बद्दी के गांव संधोली में मै. मोंडेलेज इंडिया फूड्स प्राईवेट लि.- इकाई-2 को फाइव स्टार, जेम्स, मौलडेड चाॅकलेट व क्रुम्ब का उत्पादन करने के लिए औद्योगिक इकाई का विस्तार करने के प्रस्ताव शामिल हैं। निदेशक उद्योग राकेश कुमार प्रजापति ने बैठक का संचालन किया। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह और ऊर्जा मंत्री सुख राम चैधरी बैठक में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए, जबकि मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. धीमान व जे.सी. शर्मा, प्रधान सचिव ओंकार शर्मा और अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे। Shimla News
मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने शुक्रवार को शिमला में भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अन्तरराज्य परिषद सचिवालय द्वारा आयोजित उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की स्थाई समिति की 19वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में महिलाओं और बच्चों के विरूद्ध यौन अपराध संबंधित मामलोें की त्वरित जांच, ग्रामीण क्षेत्र में बैंक शाखाओं और डाक बैंकिंग सुविधा, सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं के लिए प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण का प्रभावी क्रियान्वयन, राज्यों की सीमाओं पर मवेशियों का परित्याग, चंडीगढ़-बद्दी रेल लाईन तथा जगतपुरा-शिवदासपुर में रेलवे भूमि के हस्तांतरण, दुर्गापुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे भूमि, गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे भूमि और बैस गोदाम के पास रेलवे भूमि संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। समिति ने मोटर वाहन अधिनियम के अन्तर्गत उल्लंघनकर्ताओं के लिए सेन्ट्रल डाटा बेस की शुरूआत तथा नए अन्तरराज्यीय मार्गों के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की। अन्तरराज्य परिषद् सचिवालय की सचिव अनुराधा प्रसाद, हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व एवं आपदा प्रबंधन पी.के. दास, केन्द्र शासित प्रदेश के चंडीगढ़ के लेफ्टिनेंट गवर्नर के सलाहकार धर्मपाल, केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर के सलाहकार उमंग नरूला, एनसीटी दिल्ली के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण कुमार गुप्ता, पंजाब सरकार के जल संसाधन के प्रधान सचिव सर्वजीत सिंह, जम्मू-कश्मीर सरकार के प्रधान सचिव मनोज कुमार द्विवेदी, राजस्थान के सचिव नवीन जैन तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी और विभागों के अध्यक्ष भी बैठक में उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को पूर्व आईएएस अधिकारी और प्रसिद्ध लेखक के.आर. भारती द्वारा लिखित पुस्तक हिमाचल प्रदेश-ए ट्रेजर ऑफ़ टरिज्म का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे कुशल प्रशासक रहे हैं और प्रदेश के प्रसिद्ध लेखक भी हैं। उन्होंने कहा कि के.आर. भारती ने हिमाचल प्रदेश के अद्वितीय प्राकृतिक सौन्दर्य को अत्यन्त मनमोहक तरीके से पाठकों के समक्ष प्रस्तुत किया है। लेखक ने पूरी मेहनत और लगन के साथ इस पुस्तक की रचना की है।जयराम ठाकुर ने कहा कि पाठकों के लिए यह पुस्तक ज्ञानवर्द्धक और रोचक साबित होगी। उन्होंने कहा कि हिमालय पर्वत श्रृंखलाओं के बीच बसा हिमाचल प्रदेश देश के खूबसूरत राज्यों में से एक है। हिमाचल प्रदेश का अर्थ केवल बर्फ से आच्छन्दित प्रदेश नहीं है अपितु यहां भ्रमण के लिए वह सब कुछ है जिसकी पर्यटक इच्छा रखतेे हैं। प्रसिद्ध लेखक सुदर्शन विशिष्ट ने भी मुख्यमंत्री को अपनी पुस्तक हिमाचल लोक गीत भेंट की। प्रसिद्ध लेखक आर.डी. शर्मा, डाॅ. कर्म सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी वर्मा और कंवर दिनेश भी इस अवसर पर उपस्थित थे
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने जिला वासियों से अपील की है कि कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रॉन से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए कोविड नियमों की अनुपालना आवश्यक है क्योंकि कोविड-19 का खतरा अभी तक टला नहीं है। डाॅ. उप्पल ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक है कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों में जाने से परहेज करें, 02 व्यक्तियों के मध्य 02 गज़ की दूरी बनाए रखें तथा नाक से लेकर ठोडी तक ढकते हुए मास्क का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए बार-बार अपने हाथों को साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहें। कोविड-19 से बचाव के लिए कोविड टीकाकरण की दोनों डोज़ लेना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला के सभी निवासियों का आह्वान किया कि खांसी, जुकाम, बुखार या सांस लेने में दिक्कत होने पर शीघ्र चिकित्सक की सलाह लें। उन्होंने कहा कि जिला के सभी चिकित्सा अधिकारियों को जिला के सभी आईसोलेशन वार्ड को व्यवस्थित रखने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि आवश्यकता पड़ने पर रोगियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
विश्व दिव्यांगता दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम शुक्रवार को सोलन जिला के कण्डाघाट में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) सोलन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। जिला कल्याण अधिकारी सोलन गिरधारी लाल शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि दिव्यांग जन समाज का अभिन्न अंग हैं और इनके उत्थान की दिशा में सरकार के साथ-साथ विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं को भी मिल-जुलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांगो के अधिकारों व आवश्यकताओं के विषय में चिंतन व चर्चा करने के उद्देश्य से ही विश्व में वर्ष 1992 से 3 दिसम्बर का दिन विश्व दिव्यांगता दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि दिव्यांगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं कार्यान्वित की गई हैं। दिव्यांगता राहत भत्ता योजना के अन्तर्गत जिला में 3883 दिव्यांगजनों को प्रति माह 1000 रुपए विकलांगता राहत भत्ता प्रदान किया जा रहा है। दिव्यांग छात्रों को छात्रवृति योजना के अन्तर्गत प्रथम कक्षा से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए 625 रुपए से 3750 रुपए प्रति माह छात्रवृति प्रदान की जा रही है। इसके लिए ज़िला में 22 दिव्यांग छात्रों को 2.28 लाख रुपए की छात्रवृति प्रदान की जा चुकी है। जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि सोलन जिला में दिव्यांगों को विवाह अनुदान योजना के अन्तर्गत 06 दम्पत्तियों को विवाह करने पर 1.75 लाख रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांग व्यक्तियों के लिए केन्द्र सरकार द्वारा यूडीआईडी कार्ड जारी किए जा रहे हैं। जिला में यूडीआईडी पोर्टल पर 6527 लोगों ने पंजीकरण किया है, जिनमें से 3417 दिव्यांग व्यक्तियों को कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इस अवसर पर भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) मोहाली द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। चिकित्सकों की टीम द्वारा बच्चों की चिकित्सा जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगजनों के लिए सहायता उपकरणों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में अभिभावकों, बच्चों तथा अध्यापकों के मध्य परामर्श सत्र का आयोजन भी किया गया। गणपति एजूकेशन सोसायटी कुनिहार तथा डाईट सोलन के समन्वयक ने दिव्यांगजनों से व्यवहार के प्रति जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों के मध्य कुर्सी तथा चम्मच दौड़ प्रतियोगिताएं भी करवाई गई। कार्यक्रम में जिला के 44 दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया। इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी कण्डाघाट गवा सिंगे, तहसील कल्याण अधिकारी सोलन अनुराधा तनवर, समन्वयक डाॅ. संजय, अधीक्षक राजेन्द्र रघुवंशी, एलिम्को से डाॅ. कपिल निशाद, रेडियालाॅजिस्ट प्रेम शंकर, खण्ड स्त्रोत समन्वयक रजनीश कौशिक, आईईडी समन्वयक राजेश कुमार सहित दिव्यांग जन उपस्थित थे।
सोलन: मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की अनुपालना भी आवश्यक: सुरेश भारद्वाज शहरी विकास, नगर नियोजन, आवास, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि भारत के संविधान में प्रत्येक नागरिक के लिए मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य निर्धारित किए गए हैं और इनकी अनुपालना हम सभी का दायित्व है। सुरेश भारद्वाज ने शुक्रवार को शूलिनी विश्वविद्यालय सोलन द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित प्रथम विधिक संगोष्ठी के विदाई सत्र को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य सभी नागरिकों के लिए समान हैं। उन्होंने कहा कि हमें सदैव यह स्मरण रखना चाहिए कि अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं। इन दोनों के अनुपालना जहां भारत को एक उत्तरदायी राष्ट्र के रूप में स्थापित करती है वहीं नागरिकों को सही मार्ग का अनुसरण करना भी सिखाती है। विधि मंत्री ने कहा कि भारत जैसे विशाल देश में संविधान और विधिक नियमों की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने विधि के छात्रों का आह्वान किया कि वे अपने परिवेश में लोगों को संविधान और विधि की जानकारी अवश्य प्रदान करें ताकि कोई भी नागरिक न्याय से वंचित न रहे। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि भारत का संविधान विश्व का श्रेष्ठतम संविधान है। हमारे संविधान निर्माताओं ने संविधान की रचना करते समय यह सुनिश्चित कर लिया था कि संविधान को समय के साथ कैसे परिवर्तनशील रखा जाए। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए संविधान संशोधन का प्रावधान किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुरूप राज्य का कार्यभार चलाने के लिए विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका को विधि सम्मत अधिकार एवं कर्तव्य प्रदान किए गए। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि संविधान की समुचित जानकारी के लिए छात्रों को उनकी मातृभाषा में शिक्षा प्रदान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश स्वतन्त्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। यह अवसर हमें स्वाधीनता संग्राम में अपने प्राणों की आहूति देने वाले प्रत्येक जन को नमन करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर हमें यह भी निर्णय लेना होगा कि प्रत्येक नागरिक जहां अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें वहीं मौलिक कर्तव्यों के पालन से भी पीछे न हटे। उन्होंने कहा कि अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। सुरेश भारद्वाज ने इस अवसर पर प्रोफेसर नन्दन शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ‘फण्डामेन्टलस और मीडिया लाॅ’ का विमोचन भी किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं के छात्रों को सम्मानित भी किया। इससे पूर्व शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डाॅ.) पी.के. खोसला तथा उप कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला ने भी विषय पर सारगर्भित जानकारी प्रदान की। विभिन्न विश्वविद्यालयों के विधि विभागों के प्राध्यापकों सहित शूलिनी विश्वविद्यालय के छात्रों ने भी विषय पर प्रकाश डाला। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डाॅ. राजेश कश्यप, भाजपा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, शूलिनी विश्वविद्यालय एवं अन्य विश्वविद्यालयों के प्राध्यापक, छात्र तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
अल्ट्राटेक कम्युनिटी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा प्रशासनिक भवन बागा सीमेंट वर्क्स में 3 माह के सिलाई एवं कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन बागा सीमेंट वर्क्स के इकाई प्रमुख विवेक माथूर एवं संगनी महिला मण्डल की अध्यक्षा मोनिका माथूर द्वारा संगनी महिला मण्डल की सदस्यों की उपस्थिति में किया गया। समाजिक उतरदायित्व प्रभारी कुलीन देशमुख द्वारा क्षेत्र में विकास कार्यक्रमों के बारे में अवगत करवाया गया एवं सुजाता वर्मा एवं रीचा ठाकुर द्वारा कम्पयुटर एवं सिलाई प्रशिक्षण पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात 31 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरीत किए। इस मौके पर छात्र-छात्राओं द्वारा अपने अनुभवों को अतिथियों के साथ साझा किया। शिखा सोनी द्वारा बताया गया कि दूरदराज के क्षेत्र में कम्प्यूटर शिक्षण न होने के फलस्वरूप हम आज की कम्प्यूटर की आवश्यकता होने के उपरान्त भी प्रशिक्षण से वच्छित थे, ऐसे समय में समुदाय की आवश्यकता को ध्यान में रख कर अल्ट्राटेक कम्युनिटी वेलफेयर फाउडेशन द्वारा कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना की गई जिससे दूरदराज के बच्चों को अपने गाँव में ही शिक्षा प्राप्त हो रही है।
राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में महाविद्यालय के रेड रिबन तथा एनएसएस क्लब द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर जनेश कपूर ने की। इस आयोजन हेतु सीएमओ सोलन डॉ मुक्ता रस्तोगी ने रेड क्रॉस सोसायटी की एक आंख सदस्यीय टीम डॉक्टर मोहित भारद्वाज की अध्यक्षता में इस कार्य हेतु प्रेषित की। इस पुनीत कार्य में महाविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों, गैर शिक्षकों तथा स्थानीय जनता ने हिस्सा लेकर 33 यूनिट रक्तदान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ जनेश कपूर ने इस कार्यक्रम की सफलता पर बोलते हुए बताया कि उन्होंने तथा उनके कॉलेज परिवार द्वारा समाज के प्रति अपना दायित्व समझते हुए इस रक्तदान का आयोजन किया गया। उन्होंने इस आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहां कि उन्होंने अपने टारगेट से अधिक रक्त एकत्रित किया है जो समाज के जरूरतमंदों की सहायता करेगा।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू जिला सोलन (Solan) में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की लड़कियों के लिए चयन परीक्षा 11 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी पाइनग्रोव स्कूल ने इस चयन परीक्षा द्वारा जिला सोलन की नौ छात्राओं को चयनित किया था और वे आज भी स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। बता दें कि इस परीक्षा में चयनित होने के लिए छात्रा को हिमाचल प्रदेश की स्थाई निवासी होना अनिवार्य है। छात्रा प्रथम कक्षा से ही सरकारी पाठशाला में पढ़ रही हो और छात्रा की आयु 9 वर्ष से अधिक और 12 वर्ष से कम होनी चाहिए। साथ ही छात्रा का वर्तमान में पाँचवीं कक्षा में होना अनिवार्य है। बता दें कि चयन परीक्षा के आधार पर दो सर्वश्रेष्ठ छात्राओं को पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में प्रवेश दिया जाएगा। इन छात्राओं को पाइनग्रोव स्कूल द्वारा नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। पाइनग्रोव स्कूल सीबीएसई, आईपीएससी, आईएवाईपी और एनसीसी बिट्रिश काऊंसिल आईएसओ 9001.2000 से प्रमाणित है। वंही पाइनग्रोव स्कूल ने डीसी सोलन के माध्यम से शिक्षा विभाग सोलन को सूचित किया है कि वह अपने बलबूते पर गरीब परिवारों की लड़कियों की सहायता कर रहे हैं। गत वर्ष यह परीक्षा कोविड के कारण रद्द कर दी गई थी।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और श्रमिक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले लगभग चार वर्षों के दौरान दिहाड़ीदारों की न्यूनतम दिहाड़ी को 210 से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति दिन किया है जिससे उनके मासिक मजदूरी में 2700 रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक इकाईयों में कार्यरत श्रमिकों को पर्याप्त मजदूरी प्रदान करना सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी दिहाड़ीदारों को साप्ताहिक अवकाश दिया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उनके परिश्रम और समर्पण के फलस्वरूप ही हिमाचल प्रदेश शत प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने में देश का पहला राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों के दौरान आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,750 रुपये की वृद्धि की है। प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 2,850 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की है और आज वे प्रतिमाह 7300 रुपये प्राप्त कर रही हैं। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष मदन राणा ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों और कामगारों की विकासात्मक मांगों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मजदूरों और श्रमिक वर्ग की विकासात्मक मांगों पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से आशा कार्यकर्ताओं, टेलरिंग शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक स्थायी नीति बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिड-डे-मील कार्यकर्ताओं को न्यूनतम मजदूरी प्रदान करने का भी आग्रह किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रम एवं रोजगार आरडी धीमान, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी शर्मा, सचिव डाॅ. अजय शर्मा, संदीप भटनागर, राजीव शर्मा और अमिताभ अवस्थी, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सुरेंद्र ठाकुर, महासचिव बीएमएस यशपाल हेटा, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों सहित अन्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
शिमला महासू कल्चरल एंड वैलफेयर सोसाईयटी द्वारा संजौली में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सोसायटी के कोर्डिनेटर संदीप गागटा ने की। इस बैठक में चेतन बरागटा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस बैठक का उद्देश्य सोसाइटी द्वारा आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा को आगे बढ़ाना था। इस बैठक में सभी सदस्यों द्वारा अपने विचार प्रकट किए गए। बैठक में समाजिक कार्यों जैसे ब्लेड डोनेशन व जरूरत मंद लोगो की सहायता के बारे में चर्चा की गई। सोसायटी के कॉर्डिनेटर सन्दीप गांगटा ने ओमिक्रोन वायरस पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि शीघ्र ही रिज मैदान पर ब्लड डोनेशन केम्प का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक में कुछ सदस्यों द्वारा आगामी शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाने का सुझाव दिया गया। इस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई और आगामी बैठक में इस विषय को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस बैठक में राविन्द्र चौहान, रमेश चौहान, देव श्याम, निशा चौहान, संदीप गागटा, राजन कालटा, अंकुश चौहान, राजीव सोकटा,विनित घास्टा, रितेश चौहान, राकेश जिन्टा, मनोज चौहान, जतीन चौहान,दिपक सरजोलटा, निरज चोहान,प्रदीप खाकटा, राकेश शर्मा, चेतन कडेईक, सुशांत बसोली, यशपाल चौहान,मुकेश चोहान, मनमोहन कपालटा, अनुपम चौहान, प्रेम चौहान, अशीष चौहान, कपिष चौहान, परवीन चौहान, हेप्पी खिमटा, रवी काल्टा आदि उपस्थित रहे।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ.अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 4 दिसम्बर को 20 स्थानों पर कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों से अपील भी की कि वह कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि वह इस महामारी से अपने आपको, अपने परिवार को व अपने समाज को बचाकर अपना दायित्व निभा सके। उन्होंने बताया कि 4 दिसम्बर को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, ईएसआई मालवा कोटन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरोग बनेडी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर भारापुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा, उपस्वास्थ्य केंद्र मिस्रवाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सतौन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोलर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखुवाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगानी, आरबीएस के टीम, उपस्वास्थ्य केंद्र तारूवाला, उपस्वास्थ्य केंद्र शिवपुर, उपस्वास्थ्य केन्द्र बहराल इन सभी स्थानों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ.अजय देओल ने कहा कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। Sirmaur News
आम आदमी पार्टी द्वारा विधानसभा सभा क्षेत्र नादौन के कोहला गांव के कोठी शिव मंदिर में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 4 व 5 दिसंबर को आयोजित किया जायगा। इस शिविर में डॉक्टर बलबंत और डॉक्टर किरण द्वारा लोगों की निशुल्क जांच की जाएगी। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। इस चिकित्सा शिविर में सर्वाइकल, माईग्रेन, शियाटिका, रींगन, नसों का दर्द, पीठ का दर्द, घुटनों के दर्द, कंधों का दर्द, चक्कर आना, रीढ़ की हड्डी की बीमारी, किडनी, गुर्दा लिवर व पित की पथरी, डेंगू टायफाईड बुखार, गैस, पेसाब की बीमारी, रसौली आदि बीमारियों का निशुल्क चेकअप किया जाएगा। इस दौरान लोगों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस दौरान आम आदमी पार्टी विधानसभा क्षेत्र नादौन एवं राज्य ओबीसी विंग के संगठन मंत्री शैंकी ठुकराल ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
ठियोग की कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन जल शक्ति विभाग ने प्रेस वार्ता में लोक निर्माण विभाग तथा जल शक्ति विभाग में एमफॉर्म की अनिवार्यता को हटाने के लिए उपमंडलाधिकारी को ज्ञापन पत्र सौंपा। इस दौरान कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन ने अपनी मांग में कहा कि विभाग द्वारा जो भी कार्य किया जाता है उस हेतु धनराशि लेने के लिए पहले एमफार्म की अनिवार्यता नहीं थी, लेकिन नए नियमों के मुताबिक एमफॉर्म की अनियवर्यता की गई है। जिसके कारण धनराशि प्राप्त करने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वंही उन्होंने कहा कि ठेकेदारों से 18% GST वसूला जाता है जिसको वहन करना कठिन है। इसके लिए सरकार को पुनर्विचार करने की आवश्यकता है । Shimla News
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज पूर्व आईएएस अधिकारी और प्रसिद्ध लेखक केआर भारती द्वारा लिखित पुस्तक हिमाचल प्रदेश ए-ट्रेजर ऑफ टूरिज्म का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे कुशल प्रशासक रहे हैं और प्रदेश के प्रसिद्ध लेखक भी हैं। उन्होंने कहा कि केआर भारती ने हिमाचल प्रदेश के अद्वितीय प्राकृतिक सौन्दर्य को अत्यन्त मनमोहक तरीके से पाठकों के समक्ष प्रस्तुत किया है। लेखक ने पूरी मेहनत और लगन के साथ इस पुस्तक की रचना की है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पाठकों के लिए यह पुस्तक ज्ञानवर्द्धक और रोचक साबित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय पर्वत श्रृंखलाओं के बीच बसा हिमाचल प्रदेश देश के खूबसूरत राज्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का अर्थ केवल बर्फ से आच्छन्दित प्रदेश नहीं है अपितु यहां भ्रमण के लिए वह सब कुछ है जिसकी पर्यटक इच्छा रखतेे हैं। प्रसिद्ध लेखक सुदर्शन विशिष्ट ने भी मुख्यमंत्री को अपनी पुस्तक हिमाचल लोक गीत भेंट की। प्रसिद्ध लेखक आरडी शर्मा, डॉ कर्म सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी वर्मा और कंवर दिनेश भी इस अवसर पर उपस्थित थे। Shimla News
राजकीय प्राथमिक पाठशाला बगार शिक्षा खंड कोटखाई के चौथी कक्षा के छात्र आरव शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कविता वाचन संगोष्ठी मेंप्रथम स्थान प्राप्त किया। आरव ने पूरे देश देश में हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) व जिला शिमला का नाम रोशन किया है। आरव ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने विद्यालय की अध्यापिका निशा शर्मा व अपने माता पिता को दिया है। बता दें कि निशा शर्मा राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित अध्यापिका हैं। वंही इस अवसर पर डिप्टी डिरेक्टर एलिमेंट्री एजुकेशन शिमला ने आरव शर्मा एवं उनकी अध्यापिका को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई दी।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में विश्व एड्स दिवस मनाया गया। इस उपलक्ष्य पर एसओपी के निर्देशों का पालन करते हुए नारा लेखन, भाषण तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन छठी से आठवीं कक्षा तक किया गया। इन प्रतियोगिताओं में सभी बच्चों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। नारा लेखन में अंजलि सहगल, भाषण में कृतिका व उधव गुप्ता तथा चित्र कला प्रतियोगिता में संगम कपिला, हर्षिता तथा पूर्णिमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एड्स दिवस पर अनिता कौंडल, सुमन और डॉ अनिता देवी ने बच्चों को एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त नरेन्द्र कपिला, अमर सिंह वर्मा, जय प्रकाश मिश्रा, नरेन्द्र कुमार, जागृति कपिला तथा मुकेश कपिला ने बच्चों को एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
अटल बिहारी वाजपेयी अभियांत्रिकी संस्थान गुम्मा के चेयरमेन अशोक जस्टा ने पॉलिटेक्निक विंग में कंप्यूटर अभियांत्रिकी के वरिष्ठ लेक्चरर और इलेक्ट्रिकल अभियांत्रिकी का एक-एक पद सृजित करने लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। अशोक जस्टा ने कहा है कि इस संस्थान की स्थापना 10 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सरकार में हुई थी। उस वक्त स्वर्गीय नरेन्द्र बरागटा तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। बता दें कि यह हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) का दूसरा राज्य सरकार का संस्थान है जो प्रगतिनगर गुम्मा कोटखाई में स्थित है। इस संस्थान में वर्तमान में बीटेक, पॉलिटेक्निक और आईटीआई में लगभग 900 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे है। यह संस्थान वर्तमान में तीन पाठ्यक्रम अर्थात कंप्यूटर इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग प्रदान करता है। इस संस्थान के बच्चे ने हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन किया है। Shimla News
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ.अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 3 दिसम्बर को 30 स्थानों पर कोविड-19 टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों से अपील भी की कि वह कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि वह इस महामारी से अपने आपको, अपने परिवार को व अपने समाज को बचाकर अपना दायित्व निभा सके। उन्होंने बताया कि 3 दिसम्बर को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, ईएसआई मालवा कोटन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरोग बनेडी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर भारापुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा, उपस्वास्थ्य केंद्र मिस्रवाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाखणा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सतौन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोलर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखुवाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगानी, आरबीएस के टीम, आरबीएस के टीम 1, आरबीएस के टीम 2, उपस्वास्थ्य केंद्र तारूवाला, उप स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर, उपस्वास्थ्य केन्द्र अजोली, ग्राम पंचायत मत्रालियों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरगढ़, उप स्वास्थ्य केन्द्र बहराल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, उपस्वास्थ्य केंद्र चांदनी, उपस्वास्थ्य केंद्र धौलाकुआं, मोबाइल टीम पांवटा साहिब 1 इन सभी स्थानों पर कोविड-19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ.अजय देओल ने कहा कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अधिकारियों को 4 दिसम्बर तक प्रदेश की पात्र आबादी को टीकाकरण की दूसरी खुराक का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए, ताकि हिमाचल प्रदेश कोविड-19 के विरूद्ध पात्र आबादी के टीकाकरण का विशिष्ट लक्ष्य हासिल कर सके। वह आज यहां राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोविड-19 टीकाकरण समारोह के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस अवसर पर बिलासपुर में एक मेगा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. मनसुख मंडाविया और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शामिल होंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य की कुल 53.77 लाख पात्र आबादी में से सरकार ने अभी तक लक्षित पात्र आबादी में से 98 प्रतिशत को कोविड टीकाकरण की दूसरी खुराक प्रदान करने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिबद्धता और समर्पण के कारण संभव हुआ है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी उपायुक्त इस आयोजन में अग्रिम पंक्ति के सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि प्रदेशभर में इस समारोह को धूमधाम से मनाया जा सके। उन्होंने कहा कि शिमला जिला में शिमला, रोहड़ू, चैपाल और रामपुर में, सोलन जिला में सोलन और नालागढ़ तथा सिरमौर जिला में नाहन, पांवटा साहिब, शिलाई, राजगढ़ और सराहन में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि मंडी जिला में मण्डी, करसोग, थुनाग, सुंदरनगर और जोगिन्द्रनगर तथा कांगड़ा जिला में धर्मशाला, पालमपुर, नूरपुर और देहरा में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसी तरह कुल्लू जिला में कुल्लू, मनाली और आनी में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। बैठक में मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव जे.सी. शर्मा, सचिव स्वास्थ्य अमिताभ अवस्थी, उपायुक्त मंडी अरिंदम चैधरी, मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हेमराज बैरवा, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन बैठक में उपस्थित थे। Himachal News
बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने अपने जिला सिरमौर के दो दिवसीय प्रवास के दौरान पांवटा साहिब विधानसभा के आंज भोज क्षेत्र की ग्राम पंचायत कलाथा बढाणा के ग्राम बढाणा में लोगों की मांगों व जन समस्याओं को सुना और इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आंज भोज क्षेत्र में दौरा करवाया जाएगा तथा उन्हीं के द्वारा विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का स्थाई समाधान होगा। इस दौरान क्षेत्र के लोगों की लो वोल्टेज की समस्या पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को दो माह के अन्दर समस्या का निराकरण करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि 27 करोड़ रूपये की लागत से खोदरी माजरी से पानी लिफ्ट किया जाएगा जिससे आंज भोज के क्षेत्र में पीने के पानी की कोई भी समस्या नहीं रहेगी। इसके अतिरिक्त, 10 करोड़ रूपये की लागत से 33 केवी सब स्टेशन का शिलान्यास भी किया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने ग्राम पंचायत कलाथा बढाणा के लोगों की मांग पर एक पशु औषधालय व उपस्वास्थ्य केन्द्र खोलने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने किल्लौड में किसी भी सरकारी बैंक की शाखा खोलने, ग्राम कलाथा, बढााणा, किल्लौड तथा खोदरी माजरी को मिलाकर एक नया पटवार खाना किल्लौड में खोलने व किल्लौड की अनुसूचित जाति बस्ती झेडा वार्ड नम्बर 4 में नया ट्रांसफार्मर लगाने की भी मांग रखी। इस अवसर पर भाजपा महामंत्री देवराज चौहान, जिला भाजपा उपाध्यक्ष दिनेश चौधरी, दिनेश नेगी, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष रमेश तोमर, तहसीलदार पांवटा साहिब वेद प्रकाश अग्निहोत्री व प्रधान देवराज नेगी सहित स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। Sirmaur News
कांगड़ा (Kangra) जोन के मुख्य ऑर्गेनाइज सचिव सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता एस एस चम्बियाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि ज्वालामुखी, खुंडिया, मझीन , शान्तला आदि क्षेत्रों के समस्त विद्युत पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष सम्मेलन का आयोजन 5 दिसम्बर को ज्वालामुखी के विद्युत विश्राम गृह में रखा गया है । इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विद्युत पेंशनरों की पैंशन सम्बन्धी समस्याओं के निवारण के लिए विचार विमर्श कर सरकार को अवगत करवाना है ।इस सम्मेलन में नई कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा । उन्होंने समस्त विद्युत पेंशनरों से आग्रह है कि निर्धारित समय पर 5 दिसम्बर को सुबह 11 बजे ज्वालामुखी पहुंच कर अपनी अपनी पेंशन सम्बन्धी समस्याओं के निवारण के लिए पहुंचे ।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को उनके 61वें जन्मदिन पर दूरभाष के माध्यम से बधाई दी है। उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने जगत प्रकाश नड्डा को पार्टी को प्रेरक नेतृत्व प्रदान करने और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का सौभाग्य है कि हिमाचल का धरती पुत्र विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व कर रहा है।
प्रदेश की जनता को हर तरफ से न्याय देने की जिम्मेदारी उठाए पुलिस विभाग की समस्याओं को सरकार नजरअंदाज न करे। क्योंकि यदि पुलिस विभाग को ही न्याय नहीं मिल रहा है तो यह सिस्टम की खामी नहीं सरकार की नाकामी है। यह बात ज्वालामुखी के पूर्व विधायक एवम प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ प्रवक्ता संजय रत्न ने यहां जारी प्रेस बयान में कही है। संजय रत्न ने कहा कि पुलिस कर्मियों का अनुबंध समय अवधि एक सामान करने की मांग जहां कांग्रेस लगातार उठाती आ रही है वहीं अपने स्तर पर पुलिस कर्मी इस मांग की गुहार लगाकर हताश व निराश हो चुके हैं। 7 रुपए प्रतिदिन की डाईट मनी देकर सरकार पुलिस कर्मियों से क्रूर मजाक कर रही है। जो कि पुलिस कर्मियों के लिए न तर्कसंगत है न न्याय संगत और न ही सहन करने के काबिल है। लेकिन बीजेपी सरकार पुलिस की इस जायज मांग को लगातार नजरअंदाज कर रही है। उधर पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी सरकार की घोर उपेक्षा को लेकर खासे नाराज हैं। क्योंकि सरकार पुलिस अधिकारियों की प्रमोशन को लेकर उपेक्षित व अडियल रुख अपनाए हुए है। संजय रत्न ने कहा कि पुलिस में एचपीएस स्तर के अधिकारियों की प्रमोशन 11 साल से लगातार रुकी है। इस पर भी सरकार मूक और मौन बनी हुई है। आलम यह है कि डीएसपी व एडिशनल एसपी स्तर के 189 अधिकारी वर्षों से अपनी प्रमोशन की राह देख रहे हैं। जिनमें डायरेक्ट भर्ती हुए डीएसपी, एडिशनल एसपी व प्रमोट होकर आए कॉन्स्टेबल व सब-इंस्पेक्टर से डीएसपी बने अधिकारियों की फौज सरकार की ओर टकटकी लगाए हुए देख रही है। इसलिए सरकार पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की इस मांग व जरूरत को ध्यान में रखते हुए तुरंत कार्रवाई अमल में लाए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल 3 दिसम्बर से सोलन (Solan) जिला के प्रवास पर आ रहे हैं। डाॅ. सैजल 03 दिसम्बर, 2021 को दिन में 12.00 बजे कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में जनसमस्याएं सुनेंगे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री 04 दिसम्बर, 2021 को प्रातः 11.00 बजे सोलन विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत जौणाजी में सामुदायिक भवन का लोकार्पण करेंगे। 06 दिसम्बर, 2021 को प्रातः 10.00 बजे कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जंगेशू में मसूलखाना-डुगला सम्पर्क मार्ग का लोकार्पण करेंगे।
एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर ने वीरवार को देहरा और हरिपुर तहसील के सभी राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक की। एसडीएम कार्यालय देहरा में आयोजित इस बैठक में दोनो तहसीलों के अन्तर्गत आने वाले कानूनगो, पटवारी और राजस्व कर्मचारियों से एसडीएम ने क्षेत्र में राजस्व कार्यों सम्बंधित ब्यौरा लिया। उन्होंने कहा कि उपायुक्त कांगड़ा के निर्देशानुसार सभी तहसीलों के राजस्व कर्मचारियों के साथ यह बैठक की जाएगी, जिसमें संबंधित वृत्तों में हो रहे कार्यों की जानकारी ली जा रही है। एसडीएम ने कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गांवों में लोगों को आ रही राजस्व संबंधित समस्याओं का तुरंत निवारण करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि तहसीलों के अन्तर्गत आने वाले राजस्व कर्मचारी निर्देशों की पालना सख्ती से करते हुए आम जनता के कार्यों को समयबद्ध करें।
पुलिस थाना खुंडिया व चौकी लगड़ू के अंतर्गत एक व्यक्ति की पहाड़ी से गिरने की वजह से मौत होने का दुखद मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रवीण कुमार(35) पुत्र अमी चंद निवासी बसींह,डाकघर लगड़ू, त० खुंडिया,जिला काँगड़ा की घर के नजदीक एक पहाड़ी से गिरने के कारण मौत हो गयी है।मौके पर पहुँची पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों के बयान कलमबद्ध किये गए हैं । मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी चन्द्र पाल ने करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल देहरा भेजा जहां पोस्टमार्टम होने के उपरांत उक्त व्यक्ति के शव को परिवार वालों की तरफ दे दिया गया है। बताया जा रहा है मृतक प्रवीण पेशे से दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था और वह अविवाहित था।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते अप्पर बढल में देहरा पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति से देसी शराब की 12 बोतलें बरामद की गई है। जानकारी देते हुए एसएचओ देहरा कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने बढ़ल में गश्त के दौरान उक्त व्यक्ति से यह शराब की बोतलें बरामद की हैं। मामले की पुष्टि डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने करते हुए कहा की पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्यवाई शुरू कर दी गई है।
फोरम ऑफ एस.सी एण्ड एस.टी लेजीस्लेटर एण्ड पार्लियामेंटेरियनस तथा डाॅ. अम्बेडकर चैम्बर ऑफ कामर्स-डी.ए.सी.सी के संयुक्त तत्वावधान में विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय पांचवें अंतरराष्ट्रीय अम्बेडकर कनक्लेव-2021 के प्रथम सत्र की अध्यक्षता वीरवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने की। इस कनक्लेव का उद्घाटन भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने किया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में संविधान, शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता, स्टार्ट-अप और आर्थिक विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस अवसर पर आर्लेकर ने कहा कि डाॅ. अम्बेडकर के आर्थिक, वित्तीय और प्रशासनिक योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने समता, बन्धुता एवं मानवता आधारित भारतीय संविधान को तैयार करने का अहम कार्य किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने डाॅ. भीमराव अम्बेडकर के सम्मान और उनके काम को आगे बढ़ाने के जो अभियान चलाये हैं, वे प्रशंसनीय हैं। वंचित वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता देने के लिए केंद्र सरकार के प्रतिनिधि बधाई के पात्र हैं। राज्यपाल ने कहा कि बाबा साहब ने समता, करूणा और बंधुता के आदर्शों को, समाज के धरातल पर उतारने का जो लंबा और अहिंसात्मक संघर्ष किया, वह उन्हें एक युगपुरूष का दर्जा दिलाता है। उन्होंने सदियों से अशिक्षा और सामाजिक अन्याय के तले दबे-कुचले लोगों में आशा, आत्म-विश्वास और आत्म-गौरव का संचार किया था। यह प्रसन्नता की बात है कि बाबा साहब के दिखाए आदर्श और मार्ग पर चलकर अनुसूचित जातियों और जन-जातियों के लोगों के लिए फोरम महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
शहरी विकास, नगर नियोजन, आवास, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज 03 दिसम्बर, 2021 को सोलन के प्रवास पर रहेंगे। सुरेश भारद्वाज 03 दिसम्बर को प्रातः 11.00 बजे शूलिनी विश्वविद्यालय सोलन द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित प्रथम विधिक संगोष्ठी के विदाई सत्र में मुख्य अतिथि होंगे।
विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम इस वर्ष 03 दिसम्बर, 2021 को कण्डाघाट के होटल फैलकाॅन में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी वीरवार को जिला कल्याण अधिकारी जीएल शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद करेंगे। कार्यक्रम प्रातः 11.00 बजे आरम्भ होगा। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों की खेलकूद एवं चित्रकला प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों की दृष्टिबाधित बेटियों के सपनों में उमंग फाउंडेशन रंग भर रहा है। वे अंधेरों से अपनी लड़ाई में उमंग की मेरिट छात्रवृत्ति, शिक्षा और कम्प्यूटर को हथियार बना कर उजाले की ओर कदम बढ़ाने लगी हैं। उमंग फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष प्रो.अजय श्रीवास्तव में कहा कि दृष्टिबाधित बेटियों के सशक्तिकरण की हल्की सी आहट से समाज की इस नकारात्मक सोच में बदलाव आ रहा है कि है कि ये बेचारी अन्धी लड़कियां कुछ नहीं कर सकतीं। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सुगम्य पुस्तकालय में टॉकिंग सॉफ्टवेयर वाले कंप्यूटरों से पढ़ाई करती दृष्टिबाधित पीएचडी स्कॉलर-प्रतिभा चौहान, मुस्कान नेगी, इतिका चौहान यूजीसी नेट और सेट पास कर चुकी हैं। एमए कर रही प्रतिभाशाली छात्राएं-शगुन चौहान, चन्द्रमणी, अंजना कुमारी कम्प्यूटर से आँखों का काम लेती हैं। गौरतलब है कि शिमला के पोर्टमोर स्कूल में दृष्टिबाधित बेटियों की पढ़ाई के अधिकार के लिए लिए प्रो.अजय श्रीवास्तव ने वर्ष 2011 में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। उस पर फैसले से हिमाचल दिव्यांग बच्चों को पहली कक्षा से लेकर विश्वविद्यालय में पीएचडी तक की पढ़ाई निशुल्क उपलब्ध कराने और सबसे ज्यादा छात्रवृत्ति देने वाला देश का पहला राज्य बन गया। उनके प्रयासों से दृष्टिबाधित बेटियों को सुंदरनगर स्थित आईटीआई के कंप्यूटर डिप्लोमा कोर्स में 2016 से प्रवेश मिलना शुरू हुआ था। उमंग फाउंडेशन ने अनेक दृष्टिबाधित बेटियों को पढ़ाई के लिए लैपटॉप, डेज़ी प्लेयर और एंजेल प्लेयर जैसे उपकरण भी दिए। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को परीक्षा लिखने के लिए उमंग से जुड़े विद्यार्थी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर तक राइटर की भूमिका निभाते हैं।
केन्द्र सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों का राष्ट्रीय स्तर का डाटाबेस तैयार किया जा रहा है ताकि इन कामगारों को समय पर राहत प्रदान की जा सके। इस दिशा में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सोलन जिला में भी यह डाटाबेस तैयार किया जा रहा है। यह जानकारी वीरवार को सोलन के श्रम अधिकारी एवं कामगारों के पंजीकरण के लिए गठित जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति के सदस्य सचिव पृथ्वी सिंह वर्मा ने दी। पृथ्वी सिंह वर्मा ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के कामगारों का पंजीकरण इस कार्य के लिए विशेष रूप से विकसित ई-श्रम पोर्टल पर किया जा रहा है। यह पोर्टल केन्द्रीय श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय द्वारा विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि ई-श्रम पोर्टल पर 31 दिसम्बर, 2021 तक हिमाचल प्रदेश के 20.87 लाख असंगठित कामगारों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सोलन जिला में 30 नवम्बर, 2021 तक कुल 10174 आवेदकों का पंजीकरण किया गया है। इनमें से 5730 आवेदकों ने लोकमित्र केन्द्र के माध्यम से जबकि 4444 ने स्वयं ई-श्रम पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में संलग्न कामगार, मनरेगा कामगार, प्रवासी कामगार, घरेलू कामगार, कृषि कार्य में संलग्न श्रमिक, स्वरोज़गार कामगार, गली-मुहल्ले में सामान का विक्रय करने वाले, छोटे दुकानदार एवं उनके कामगार, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जलवाहक, जल रक्षक, मोटर ट्रान्सपोर्ट कामगार, मछुआरे, असंगठित प्लान्टेशन कामगार, दूध का विक्रय करने वाले एवं असंगठित क्षेत्र के इसी प्रकार के अन्य समूहों को असंगठित कामगारों की श्रेणी में सम्मिलत किया गया है। श्रम अधिकारी ने कहा कि 16 से 59 वर्ष आयुवर्ग के ऐसे भारतीय नागरिक जो उपरोक्त में से किसी भी कार्य में संलग्न हैं का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह कामगार ई-श्रम पोर्टल पर स्वयं अथवा लोकमित्र केन्द्र के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए कोई शुल्क देय नहीं है। उन्होंने कहा कि लाभार्थी के पास अपना आधार नम्बर, आधार से जुड़ा हुआ क्रियाशील मोबाइल नम्बर तथा बैंक खाता होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजीकृत कामगार का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा किया जाता है। मृत्यु की स्थिति में योजना के तहत पंजीकृत कामगार 02 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा कवरेज तथा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 01 लाख रुपए का स्थायी दिव्यांगता कवरेज के लिए पात्र हैं। इसके लिए कामगार के पारिवारिक सदस्य अथवा नामित सदस्य को ई-श्रम पोर्टल पर आवेदन करना होगा। पृथ्वी सिंह वर्मा ने कहा कि ई-श्रम पोर्टल पर सोलन जिला के असंगठित क्षेत्र में कार्यरत सभी कामगारों के पंजीकरण के लिए ज़िला स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फ़र इकबाल ने सभी सम्बद्ध विभागों एवं अन्य को निर्देश दिए कि सोलन ज़िला के असंगठित क्षेत्र में कार्यरत सभी कामगारों का ई-श्रम पोर्टल पर निर्धारित तिथि तक पंजीकरण करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के विषय में लक्षित समूहों को जागरूक करने के लिए निर्माण स्थलों, विकास खण्डों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि असंगठित क्षेत्र में कार्यरत कामगारों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करवाना सुनिश्चित बनाएं ताकि इन्हें आवश्यकता के समय त्वरित सहायता प्रदान की जा सके।
जुब्बल-नावर-कोटखाई में बाग़वानी और पर्यटन प्राथमिकता दी जाएगी। यह बात नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने उबादेश की बाघी, रत्नाडी और कलबोग़ पंचायत में आयोजित जन आभार कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई में बाग़वानी और पर्यटन की दृष्टि से सड़कों की विशेष महत्वता को देखते हुए सड़को को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी समग्र और एक समान दृष्टिकोण के साथ विकास करवाने के लिए वचनबद्ध हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि कलबोग़ पंचायत के अंतर्गत चमैन में 22 केवी विद्युत नियंत्रण केंद्र पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत करवाया गया जिसका लाभ क्षेत्र की जनता को मिल रहा हैं। उन्होंने कहा कि कलबोग से बाघी के बीच तीसरे चरण के सड़क निर्माण के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार के द्वारा लगभग 13 करोड़ रुपए की डीपीआर सरकार को स्वीकृति के लिए भेजी गई थी जो की पिछले चार वर्षों से लम्बित पड़ी हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में सीए स्टोर स्थापित करने और पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए स्थानों को चिन्हित कर विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जो भी घोषणाएं की है उसे अमलीजामा पहनाने का भरसक प्रयास किया जाएगा। रोहित ठाकुर ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थो के मूल्य में कटौती तथा 3 कृषि कानूनों की वापसी का श्रेय जनता को जाता हैं जिन्होंने उप-चुनाव में सत्ताधारी पार्टी द्वारा लिए गए जनविरोधी निर्णय के चलते चौतरफ़ा पटकनी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को उप चुनाव में 4-0 से मिली शिकस्त से जनता ने साफ़ संकेत दे दिया है कि भाजपा सरकार की 2022 में विदाई तय है और काँग्रेस पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापिसी करेंगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने लोकसभा मे सभापति के सामने शिमला ज़िला में स्थापित हवाई अड्डे के मुद्दे को उठाया। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि शिमला शहर एक ऐतिहासिक पर्यटन स्थल है और पूरे विश्व के मानचित्र पर पहचान रखता है, जब से कोविड का कठिन समय देश मे आया था तब से इस हवाई अड्डे पर हवाई सेवाएं रोक दी गयी थी। 2020 से अभी तक शिमला के हवाई अड्डे पर कोई विमान नहीं उतरा है, जिससे इस क्षेत्र के पर्यटन पर भी बड़ा असर पड़ा है। सुरेश कश्यप ने लोकसभा में बताया कि शिमला में एयर अलायन्स का एटीआर 42 एयरक्राफ्ट आता था जो आते समय 30 से 35 यात्रियों को लाता था और वापसि पर 8 से 10 यात्रियों को ले जाता था। उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सिफारिश करते हुए कहा कि शिमला के लिए हवाई सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करना चाहिए, जिससे इस क्षेत्र को फायदा पहुंचेगा। सांसद सुरेश कश्यप ने कुछ समय पहले शिमला हवाई अड्डे की एक बैठक भी ली थी। जहाँ उन्होंने इस संदर्भ में सभी समस्याओं पर चिंतन भी किया था, कश्यप ने कहा था कि जल्द ही वह लोकसभा में इस मुद्दे को उठाएंगे। शिमला के लिए इस प्रकार की सुविधा की लंबित मांग है और इससे जनता को बड़ी सुविधा मिलेगी।
एसपी कांगड़ा के दिशानिर्देश अनुसार जिला में नशे के खिलाफ छेड़े विशेष अभियान के तहत मंगलवार को नारकोटिक्स सैल की टीम ने एक महिला के घर में दबदिश देकर नशे की खेप बरामद की है। जानकारी देते हुए डीएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि मिलवां पँचायत के अंतर्गत पड़ते गाँव धमोता में एक महिला अपने ही घर में नशे का कारोबार करती है। मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स सैल के प्रभारी हामिद मुहमद की ओर से मुख्य आरक्षी विपन शर्मा की अगुवाही में टीम ने मिलवां पँचायत के प्रधान व उपप्रधान की मौजूदगी में बताए गए घर में दबदिश दी और पूरे घर में तलाशी अभियान छेड़ा। इस दौरान घर से 9.26 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पकड़ी गई महिला की पहचान वीरो देवी पत्नी कंस राज निवासी धमोता के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला से पकड़ी गई नशे की खेप को कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार महिला काफी समय से चिट्टे और भुक्की का कारोबार कर रही है। एसपी कांगड़ा डॉक्टर खुशहाल शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
जिला किन्नौर (KINNAUR) में मौसम ने करवट ले ली है। दूसरे दिन भी जिला में आसमान में काले बादल छाए रहे। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है। समूचा क्षेत्र बादलों की चपेट में आने से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज हुई है। रात के समय तापमान माईनस में जाने से जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में पानी जमना भी शुरू हुआ है। हालांकि लंबे समय से बारिश नहीं होने से सूखा पड़ने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में यहां के किसान-बागवान बारिश व बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ताकि किसान खेतों में बिजाई का कार्य शुरू कर सके। वही बर्फ सेब के पेड़ पौधों के लिए भी फायदेमंद साबित होगा।
हिमाचल प्रदेश में मौसम बदल गया है। स्पिति के काज़ा में ताज़ा बर्फ़बारी हुई है। इसके अलावा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़ का दौर जारी है। मौसम के बदलाब से तापमान में भारी गिरावट आई है। परिणामस्वरूप ठंड बढ़ गई है। वंही मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम के ख़राब रहने की संभावना जताई है।
हिमाचल प्रदेश विभागीय परीक्षा बोर्ड के सचिव विकास भूषण ललित ने बताया कि सत्र मई 2021 के लिए सितम्बर, 2021 में शिमला, मंडी व धर्मशाला में आयोजित विभागीय परीक्षा का परिणाम एक दिसम्बर, 2021 को घोषित कर दिया गया है। परिक्षार्थी अपना परिणाम देखने के लिए अपने पीएमआईएस अकाउंट में लाॅग इन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो परीक्षार्थी किसी भी विषय में 40 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने में असफल रहे हैं, वह पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से 21 दिन के भीतर आवेदन कर सकते हैं, जिसका लिंक पीएमआईएस अकाउंट में ही उपलब्ध है।
आबकारी एवं कराधान विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में नवंबर, 2021 में वस्तु एवं सेवा कर संग्रह में 17 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है और यह 385.21 करोड़ रुपए रहा है, जबकि नवंबर, 2020 में यह कर संग्रह 329.64 करोड़ रुपए रहा था। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्त वर्ष में नवंबर, 2021 तक सकल वस्तु एवं सेवा कर संग्रह 2815.53 करोड़ रुपए रहा है जोकि गत वित्तीय वर्ष की समान अवधि में 2023.70 करोड़ रुपए था और इस तरह गत वर्ष के मुकाबले जीएसटी संग्रह में अभी तक 39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य के वस्तु एवं सेवा कर में इस वित्तीय वर्ष में निरंतर सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। वस्तु एवं सेवा कर में यह सकारात्मक बढ़ोतरी दर्ज करने के पीछे करदाताओं की निगरानी, क्षेत्रीय अधिकारियों के प्रदर्शन की निगरानी, विभाग द्वारा प्रभावी ढंग से अपनी गतिविधियों का संचालन, ई-वे बिलों का भौतिक सत्यापन और आर्थिक गतिविधियों में बढ़ोतरी मुख्य कारक रहे हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बिलासपुर के विधायक सुभाष ठाकुर की माता श्रीमती तितली देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वह 91 वर्ष की थीं। मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शान्ति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा बुधवार को ऐतिहासिक रिज मैदान में प्रेजिडेंट कलर अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर बतौर मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। राज्यपाल ने प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड से सम्मानित किया। यह पुरस्कार पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने प्राप्त किया। राज्यपाल ने प्रदेश पुलिस को प्रेजिडेंट कलर मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह भारत का आठवां राज्य पुलिस बल है जिसे यह गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस को प्रेजिडेंट कलर पुरस्कार मिलना एक विशेष उपलब्धि है जो यह साबित करता है कि हिमाचल पुलिस प्रदर्शन, निपुणता, अखण्डता, मानव अधिकारों की सुरक्षा और अन्य मानकों के साथ मानवता की सेवा में उच्च स्थान रखती है। यह पुरस्कार प्रदेश पुलिस के कर्मियों के अथक योगदान के लिए प्रदान किया गया है जिन्होंने विश्वसनीय, व्यवसायिक और ईमानदारी से एक जन हितैषी के रूप में वर्षों अथक कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अवार्ड पुलिस कर्मियों को और बेहतर ढंग से जन सेवा के लिए प्रोत्साहित करेगा। इस अवसर पर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश पुलिस को उल्लेखनीय सेवाओं के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रेजिडेंशियल अवार्ड प्राप्त होेने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह किसी भी पुलिस कर्मी के जीवन की एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। हिमाचल प्रदेश पुलिस देश का आठवां पुलिस बल है जिसे प्रेजिडेंशियल अवार्ड प्राप्त हुआ है। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि प्रेजिडेंटस कलर केवल एक पुरस्कार नहीं अपितु यह एक जिम्मेदारी भी है जिसे हिमाचल प्रदेश पुलिस को अब और अधिक ईमानदारी, दक्षता और अनुशासन के साथ निभाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस का प्रत्येक जवान देव भूमि हिमाचल प्रदेश की सुरक्षा और यहां शांति बनाए रखने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने राज्यपाल को प्रेजिडेंटस कलर पुरस्कार प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल, पुलिस विभाग व सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व पुलिस अधीक्षक गण और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
एसडीएम पांवटा साहिब विवेक महाजन ने आज भारतीय प्रबन्धन संस्थान सिरमौर के चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने IIM के निर्माण कार्य की समय सीमा के बारे में उपस्थित अधिकारीयों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को भारतीय प्रबन्धन संस्थान सिरमौर के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के दिशानिर्देश भी दिए। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमृत गर्ग तथा नर्सिराम सिंहमार व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इंडिया टुडे समूह द्वारा जारी मोस्ट इम्प्रूवड बिग स्टेट्स इन हेल्थ सर्वे में हिमाचल प्रदेश को देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग और प्रथम पंक्ति के योद्धाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के विरूद्ध लड़ाई में प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की केन्द्र सरकार और अन्य राज्यों ने भी सराहना की है। राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश ने शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों को कोविड टीकाकरण की प्रथम खुराक प्रदान करने में देश में पहला स्थान हासिल किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में दस हजार ऑक्सीज़न बिस्तर, 1,014 वेंटिलेटर और 80 मीट्रिक टन प्रतिदिन ऑक्सीज़न की उपलब्धता सुनिश्चित की है। प्रदेश सरकार द्वारा 32 स्थानों पर नए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए और 2700 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी उपलब्ध करवाए गए हैं। कोरोना पाॅजिटिव मामलों का पता लगाने के लिए एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान चलाया गया तथा 683 आइसोलेशन व क्वारंटीन संस्थानों में 32361 बिस्तर की व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार के अथक प्रयासों के कारण हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य सूचकांको में प्रथम आंका गया है।
जोगिन्दरनगर उपमंडल की बल्ह पंचायत के तहत बनौण बनगुफा में 2 दिसम्बर से 8 दिसम्बर तक श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन स्वर्गीय महात्मा सदानंद गिरी की बरसी के अवसर पर होने जा रहा है। कथा व्यास पूर्ण चंद मोदगिल मंडी वाले इस ज्ञान यज्ञ में कथा का प्रवचन करेंगे। कथा कलश यात्रा 2 दिसम्बर सुबह 9 बजे शुरू होगी व 10 बजे कलश स्थापना होगी। मूल पाठ पूजन सुबह 7:30 बजे से 10 बजे तक होगा। कथा हर दिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। हर शाम 4 बजे भंडारे का आयोजन होगा। हर शाम 8 बजे से 10 बजे तक रात्रि भजन कीर्तन व आरती का आयोजन होगा। 8 दिसम्बर को दोपहर 1 बजे पूर्णाहुति होगी। उसके बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कुटिया के महात्मा शिवशंकर गिरी ने सभी भक्तों से आग्रह किया है कि इस श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ में कथा का श्रवण करें। क्षेत्र के विधायक प्रकाश राणा 2 दिसम्बर को इस कथा के शुभारम्भ के अवसर पर शिरकत करेंगे।


















































