हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 दिसम्बर, 2021 को सोलन शहर के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी शनिवार को प्रदेश विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता आर.विदुर ने दी। उन्होंने कहा कि 13 दिसम्बर, 2021 को प्रातः 10.00 बजे से सांय 05.00 बजे तक सोलन शहर के लक्कड़ बाजार, साहनी परिसर, हरि मन्दिर क्षेत्र, राजगढ़ मार्ग के क्षेत्रों (ठोडो मैदान से कोटलानाला तक) सहित आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है। Solan Himachal News
पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत जामनी वाला व पातलियों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने समूह गीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाएं पहुचाई। कलाकारों ने लोगों को नाटक के माध्यम से बताया कि प्रदेश सरकार ने लोगों की समस्याओं का घर पर ही निदान करने के लिए जनमंच कार्यक्रम चला रखा है, जिससे मौके पर लोगों की समस्याओं का निपटान व विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र भी मौके पर बनाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही आयुष्मान भारत योजना तथा प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना के अर्न्तगत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वर्ष 2022 के लिए हिम केयर कार्ड का नवीनीकरण किया जा रहा है, जिसे सभी लोग करवाना सुनिश्चित करें। उन्होने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विधवा पुनर्विवाह आदि योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि जो लोग आर्थिक रूप से कमजोर तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित है, उनके लिए प्रदेश सरकार द्वारा सहरा योजना चलाई जा रही है। जिसके अर्न्तगत 3 हजार रुपये प्रतिमाह मदद के रूप में प्रदान किये जाते हैं।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में अध्यापक अभिभावक संघ की बैठक का आयोजन किया गया। जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया की SOP का पालन करते हुए पहली कक्षा से आठवीं कक्षा तक के बच्चों के अभिभावकों की कक्षा वार बैठक की गई और पीटीए सदस्यों की बैठक भी की गई। बैठक के दौरान सभी अध्यापकों ने COVID-19 के दौरान सभी अभिभावकों के द्वारा सहयोग करने पर धन्यवाद कियाI इस बैठक में अध्यापकों ने कक्षा पहली से आठवीं तक आयोजित की गई FA-3 परीक्षा के बारे में अभिभावकों को जानकारी प्रदान की I इस अवसर पर अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष रतन तंवर ने विद्यालय की प्रशंसा करते हुए बताया कि विद्यालय ने SOP का पालन करते हुए परीक्षाओं को बड़े सुनियोजित तरीके से सम्प्पन करवाया है। उन्होंने बताया कि अध्यापकों से बच्चों का भविष्य व एक अच्छे समाज का निर्माण होता है, इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को निरंतर आगे बढने की प्रेरणा देनी चाहिए। इस बैठक में अध्यापक अभिभावक संघ के सभी सदस्य, प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल, उपप्रधानाचार्या किरण जोशी, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, स्कूल समन्वयक रामेश्वर कुमार,पीटीए सचिव शिवानी शर्मा, मीरा देवी व सभी अध्यापक वर्ग मौजूद रहे। सचिव शिवानी शर्मा ने अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष व सभी पीटीए सदस्यों का बैठक में आने के लिए धन्यवाद व्यक्त कियाI इस बैठक में लगभग 250 अभिभावकों ने भाग लियाI यह बैठक बड़े ही सुचारू रूप से सम्पन्न हुई।
कोरोना काल में गुरुकुल स्कूल के बच्चों की फीस माफ कर समूचे प्रदेश ही नही बल्कि देशभर में मीडिया के माध्यम से सुर्खियां बटोरने वाले गुरुकुल स्कूल कोटली के डायरेक्टर पुरिंद्र राणा एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार उन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बतौर शिक्षक अपने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए टीचमिन्ट सिल्वर एजुकेटर संस्था द्वारा प्रशस्ति पत्र दे सम्मानित किया गया है। पुरिंद्र राणा द्वारा टीचमिन्ट सिल्वर एजुकेटर पर बच्चों को सफलता पूर्वक 100 घंटे ऑनलाइन शिक्षा प्रदान करने के चलते यह प्रशस्ति पत्र दिया गया है। बताते चलें कि इससे पहले पुरिन्दर राणा को शिक्षक दिवस पर दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा आयोजित सम्मेलन में नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति द्वारा शिक्षक अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। इस बारे में जब पुरिंद्र राणा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि एक शिक्षक को सबसे बड़ा इनाम तब मिलता है जब उसके द्वारा शिक्षित किए गए विद्यार्थी अपने जीवन किसी मुकाम को हासिल करते हैं। उन्होंने कहा की उनके द्वारा बच्चों को बेहतरीन ऑनलाइन शिक्षा प्रदान करने के लिए ये प्रशस्ति पत्र मिला है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे पर पैरा कमांडो लांस नायक विवेक कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। लांस नायक विवेक कुमार तमिलनाडु में कुन्नूर के निकट हेलीकाॅप्टर दुर्घटना में शहीद हो गए थे। इस त्रासदी में देश के पहले सीडीएस जनरल विपिन रावत, उनकी पत्नी और सेना के 11 वीर जवानों को भी राष्ट्र ने खो दिया। मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिला की तहसील जयसिंहपुर के निवासी शहीद जवान को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शहीद जवान के परिवार के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शोक संतप्त परिवार को तत्काल पांच लाख रुपये सहायता राशि प्रदान की है। उन्होंने शहीद के परिवार को अपनी ऐच्छिक निधि से अतिरिक्त पांच लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विवेक कुमार का जन्म वर्ष 1993 में हुआ था और वह वर्ष 2012 में सेना में भर्ती हुए थे। वह अपने परिवार का एकमात्र सहारा थे। उन्होंने शहीद के पिता रमेश चन्द को भी सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि दुःख की घड़ी में प्रदेश सरकार की संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। जयसिंहपुर के विधायक रविन्द्र धीमान, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, ले. जनरल पी.एन. अन्नतनारायण, ब्रिगेडियर एम.के. शर्मा, कैप्टन मंगेश भोसले, उपायुक्त डाॅ. निपुण जिन्दल और पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। Shimla Himachal News
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय भारतीय जन जागृति पार्टी ने बैठक का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता भारतीय जनजागृति पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष संत युवराज ने की। बैठक में अहम मुद्दों पर चर्चा की गई और आगामी चुनावों में अपनी पार्टी को चुनावों में उतारने की घोषणा की गई। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष संत युवराज, उपाध्यक्ष हरजिंदर, प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर चंदेल, संगठन मंत्री मोहन सैनी, जरनल सेक्रेटरी दीपचंद, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार, अध्यक्ष मंडल सुलह कमल सिंह आदि मौजूद रहे।
ज्वालामुखी शहर में एक मिठाई विक्रेता और ग्राहक के बीच डिब्बे के साथ मिठाई तोलने पर काफी गर्मा गर्मी हो गई। गौरतलब है कि दुकानदार ने डिब्बे सहित एक किलो बर्फी तोल दी। ग्राहक को मिठाई के खाली डिब्बे का वज़न ज्यादा लगा तो वह खाली डिब्बे का वजन करवाने पर अड़ गया। आखिरकार ग्राहक की जिद के आगे दुकानदार को खाली डिब्बे का वजन करना ही पड़ गया। डिब्बे का वजन सुनकर आप भी चौंक जाएंगे। ग्राहक ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उस खाली डिब्बे का वजन 200 ग्राम निकला। कुल मिलाकर उसमे केवल 800 ग्राम बर्फी ही पड़ी। आजकल बर्फी का रेट कम से 400 रुपये किलो है। वंही सरकार ने ग्राहकों को जागरूक करने के लिए जागो ग्राहक जागो जैसी कई योजनाएं चला रखी हैं। लेकिन विभाग इन योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए सजग दिखाई नहीं देता है। इस संदर्भ में माप तोल विभाग के इंस्पेक्टर नीरज भारती से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नियमित रूप से चेकिंग की जा रही है। अगर कोई भी ऐसा केस सामने आता है तो उस पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एक तरफ सारा देश प्रथम सीडीएस जनरल विपिन रावत व अन्य सैनिकों की शहादत से दुखी है। इसी कड़ी में हरिपुर तहसील के गुलेर में भी हेलिकाप्टर दुर्घटना में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर अधिवक्ता शिवेंद्र सिंह सैणी ने कहा कि पूरा देश जनरल विपिन रावत द्वारा किए गए कार्यों द्वारा हमेशा हर हिंदोस्तानी के दिल में जिंदा रहेंगे। उनके द्वारा किए गए कार्यों एवं मिलिट्री ओप्रेशन का कोई भी मोल नहीं है। इस दुर्घटना में शहीद हुए सभी जवानों को एकजुट होकर पूरे गांववासियों द्वारा श्रद्धांजलि दी गई।
जहाँ कई लोग अपनी गाडियों का प्रयोग सिर्फ अपने घर परिवार के इस्तेमाल हेतु करते है लेकिन धरोहर गांव गरली के पँचायत उपप्रधान सुशांत मोदगिल ने स्थानीय बाज़ार के कूडा कर्कट को इकट्ठा करके दूर फैकने हेतू अपनी निजी गाड़ी का प्रयोग कर रहे है। वंही सुशांत कई बार बाज़ार में जगह-जगह बिखरे कूडे कर्कट को सफाई कर्मचारियों के साथ खुद भी उठाते है। स्थानिय ग्रामीणों का कहना है कि सुशांत मोदगिल न केवल पँचायत में बतौर उपप्रधान बनने के बाद इलाके भर मे ऐसा कार्य शुरु किया है बल्कि सेना से बतौर कैप्टन रिटायर होने के पश्चात करीब पिछले सात वर्षो से लगातार इसी तरह गांव की सेवा मे जुटे हुए है।
ज्वालामुखी के भड़ोली में एक मोटरसाइकिल सवार ने साइकिल पर जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। जिसकी वजह से साइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। चालक को घायलावस्था में नादौन के सिविल अस्पताल में ले जाया गया है। बता दें कि भड़ोली के दुकानदार रोहित कुमार पुत्र सुरेन्द्र कुमार ने ज्वालामुखी थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि साइकिल सवार घायल व्यक्ति बहादुर सिंह पुत्र रसीला राम भड़ोली ठेहड़ा का रहने वाला है जोकि मेरी दुकान पर काम करता है। उन्होंने बताता कि शाम 7.15 बजे शाम जब वह अपने घर पर था तो उन्हें फोन द्वारा सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति बहादुर सिंह साइकिल पर जा रहा था तो मोटरसाइकिल नं.पीबी08-6034 के चालक ने साईकल को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल चालक कि पहचान अजय कुमार पुत्र बिशन दास गांव तरेटी, डा फतेहपुर नादौन जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। यह हादसा तेज रफ्तारी तथा लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाने के कारण हुआ है। पुलिस ने शिकायतकर्ता रोहित कुमार के बयान पर मोटरसाइकिल चालक अजय कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के विरुद्ध आईपीसी की धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि एसएचओ ज्वालामुखी जीत सिंह ने की है।
पूर्व सैनिक संगठन खुंडिया ने सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत की तमिलनाडु में हैलीकॉप्टर दुर्घटना में हुए अकस्मात निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। इस अवसर पर दिवंगत रावत को श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखा गया। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल एमएस राणा, कैप्टन देश राज, कैप्टन अमर सिंह, कैप्टन कर्म चंद, कैप्टन जगदीश, कैप्टन ओमप्रकाश, सूबेदार करतार, सूबेदार माधो, सूबेदार रविंद्र, सूबेदार सुरजीत तथा अन्य संगठन के सदस्य व इलाके के सैनिकों ने दिवंगत विपिन सिंह रावत को श्रद्धांजलि दी।
दी धवाला कृषि सेवा सहकारी सभा समिति प्रबंधक कमेटी की बैठक प्रधान रजनीश कुमार धवाला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभा का साधारण अधिवेशन 18 दिसंबर को बुलाया जाए। इसके अलावा सभा का कारोबार बढ़ाने बारे निर्णय लिया गया। सभा के दोषी ऋण धारकों उनके जमीनों से कर्जे की वसूली बारे चर्चा हुई। सभा के अवशेष पत्र 2020 पर भी चर्चा की गई।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में पंजीकृत दल ओम सांस्कृतिक कला मंच के कलाकारों द्वारा टिहरी पंचायत में ग्रामीणों प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई और सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की नुक्कड़ नाटकों तथा गीतों के माध्यम से जानकारी दी गई। इस अवसर पर कला मंच ने लोगों का भरपूर मनोरंजन भी किया। सामाजिक सुरक्षा पैंशन, मुख्यमंत्री गृहणी सुबिधा योजना, मुख्यमंत्री सहारा योजना, नशा निवारण, ई श्रम कार्ड, मुख्यमंत्री स्वावलंबन आदि योजनाओं का लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। नाटय दल के प्रवक्ता ने ई श्रम कार्ड पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि ई श्रम कार्ड निःशुल्क बनाया जा रहा है और कार्ड के माध्यम से दिहाड़ी मजदूरी करने वाले व्यक्ति या महिला का 2 लाख रुपए का बीमा जोकि बिना किसी प्रीमियम के किया जा रहा है तथा हिम केयर योजना के तहत साल भर के मात्र 1100 रुपये देकर 5 लाख रुपए तक किसी भी अस्पताल में निःशुल्क इलाज करवाया जा सकता है। इस अवसर पर पंचायत प्रधान आदि उपस्थित रहे।
हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग के नेतृत्व में अपनी मांग नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता को पूरा करवाने और इसके लिए कमेटी के शीघ्र गठन हेतु आज सुबह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से सर्किट हाउस धर्मशाला में मिला। संगठन ने सेनिओरिटी के लिए कमेटी का गठन की घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया। अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन ने सेनिओरिटी के विषय में कमेटी का शीघ्र गठन करने और उसमें हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन के सदस्यों को शामिल करने का आग्रह किया। प्रदेशाध्यक्ष मुनीष गर्ग और जिलाध्यक्ष सुनील पराशर का कहना है कि नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता ना मिलने से जूनियर कर्मचारी सीनियर होते जा रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि उनका चयन भर्ती एव पदोनती नियमों के अनुसार हुआ है इसलिए उनके अनुबंध की सेवा को उनके कुल सेवाकाल में जोड़ा जाना तर्कसंगत है। जब हम पूरे नियमों के अंतर्गत नियुक्त हुए हैं तो सरकार हमे पहले दिन से सरकारी कर्मचारी माने। यह प्रदेश के 70 हजार कर्मचारियों के मान सम्मान से जुड़ा विषय है। सरकार जल्द इस मांग को पूरा करे।
प्रदेश में मधुमक्खी पालन को स्वरोज़गार का साधन बनाने के लिए मुख्यमंत्री मधु विकास योजना आरम्भ की गई है। योजना के अन्तर्गत 15 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में अब तक 6343 कृषकों को 8.56 करोड़ का उपदान प्रदान किया जा चुका है। यह जानकारी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से सम्बद्ध हिम सांस्कृतिक दल के कलाकारों द्वारा सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हिन्नर तथा रहेड़ आयोजित कार्यक्रमों में दी। कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चामियां तथा सनावर में पर्वतीय लोक मंच दाड़वां के कलाकारों द्वारा गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में अवगत करवाया गया। कलाकारों ने बताया कि मुख्यमंत्री मधु विकास योजना के अन्तर्गत 80 प्रतिशत उपदान दिया जा रहा है। यह उपदान मधुमक्खी वंशों, मधुमक्खी गृहों व मधुमक्खी पालन की सामग्री व उपकरणों पर प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि योजना के अन्तर्गत 3783 मीट्रिक टन शहद का उत्पादन हुआ है तथा विभागीय मौन पालन केन्द्रों से लगभग 1200 मौन वंशों का बागवानों में वितरण किया गया है। कलाकारांे ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पैंशन योजना के अन्तर्गत वृद्ध, एकल नारी, कुष्ठ रोगी, ट्रांसजेंडर, विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। सोलन जिला में 60 से 69 वर्ष के सामाजिक सुरक्षा पैंशन धारकों की संख्या 6747 है। 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सामाजिक सुरक्षा पैंशनरों की कुल संख्या 11896 है। कलाकारों ने बताया कि महिला सशक्तिकरण व पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कार्यान्वित की जा रही महत्वाकांक्षी हिमाचल गृहिणी सुविधा के तहत सोलन ज़िला में अभी तक 17 हजार से अधिक लाभार्थियों को गैस कुनैक्शन निःशुल्क प्रदान किए गए हैं। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी प्रदान की। लोगों को बताया गया कि हमारे युवाओं का पूरी तरह स्वस्थ एवं जागरूक होना आवश्यक है। यह तभी हो सकता है जब हमारे युवा नशे को न कहना सीखेंगे। कलाकारों ने बताया अभिभावकों को चाहिए वे अपने बच्चों की हर गतिविधि पर नजर रखें। इस अवसर पर ग्राम पंचायत हिन्नर के प्रधान अनिल कुमार, उप प्रधान नरदेव कुमार, वार्ड सदस्य अंजू बाला, वार्ड सदस्य नीलम, रचना, जगदीश चंद, जयप्रकाश ग्राम पंचायत रहेड़ की प्रधान मीरा कश्यप, उपप्रधान विकास ठाकुर, वार्ड सदस्य रमन कुमार, प्रेम कुमार, सुनीता ठाकुर, पूनम, मीरा देवी, ग्राम पंचायत चामियां की प्रधान मंजू देवी, वार्ड सदस्य तारा, किरण, पंचायत सचिव मंजू, ग्राम पंचायत सनावर की प्रधान मोना चंचल, उप प्रधान विपिन गुप्ता बीडीसी सदस्य पूर्णिमा शर्मा सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
प्रदेश सरकार द्वारा हिमकेयर योजना के अन्तर्गत राज्य के 4.61 लाख परिवार पंजीकृत किए गए हैं। योजना के तहत 1.25 लाख लाभार्थियों को निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की गई है। यह जानकारी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत सप्तक कलामंच के कलाकारों द्वारा दून विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत बरोटीवाला तथ सूरजपुर में आयोजित कार्यक्रमों में दी। कलाकारों ने बताया कि हिमकेयर कार्डधारकों को आयुष्मान भारत के लिए पंजीकृत अस्पतालों में उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इन योजनाआं के लिए 195 अस्पताल पंजीकृत हैं जिनमें से 58 अस्पताल निजी क्षेत्र में हैं। लोगों को बताया गया कि सोलन जिला में 56801 परिवारों ने हिमकेयर योजना के अन्तर्गत अपने कार्ड बनवाए हैं। पूजा कलामंच बाड़ीधार के कलाकारों ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नंड तथा लुनस में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकांे के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा प्रायोजित विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण कार्यक्रमांे की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को बताया गया कि निगम द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से लघु अवधि के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं जिनसे युवा स्वरोज़गार अपना सकते हैं। शिव शक्ति कलामंच के कलाकारों द्वारा अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलेरा तथा साई में गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई। आम जन को कोविड-19 से बचाव तथा नशा निवारण के प्रति भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने समूह गान ‘विकास की राह पर क्षितिज की ओर चल रहा हिमाचल बढ़ रहा हिमाचल’ के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्राम कौशल योजना, मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन, सामाजिक सुरक्षा पैंशन, जनमंच, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री सहारा योजना तथा हिमकेयर योजना की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 आरम्भ की गई है। यह हेल्पलाइन रविवार को छोड़कर सप्ताह के 06 दिन सुबह 7.00 बजे से रात 10.00 बजे तक कार्य कर रही है। लोग इस हेल्पलाइन पर अपनी किसी भी प्रकार की समस्या को दर्ज करवा सकते हैं। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें।
राज्य स्तरीय डाक परिमण्डल कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता 2021-22 11 तथा 12 दिसम्बर, 2021 को जिला पंचायत भवन सपरून के सभागार में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी अधीक्षक डाकघर रतन चंद शर्मा ने दी। रतन चंद शर्मा ने कहा कि इस प्रतियोगिता में सभी डाक मण्डलों के प्रतियोगी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का शुभारम्भ डाक सेवा परिमण्डल शिमला के निदेशक दिनेश कुमार मिस्त्री करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जिन प्रतिभागियों का चयन होगा वे फरवरी, 2022 में तमिलनाडू में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय कैरम डाक प्रतियोगिता तथा असम में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय शतरंज प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश डाक परिमण्डल का प्रतिनिधत्व करेंगे।
आईईसी विश्वविद्यालय ने तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के कुन्नूर में सेना के हेलिकॉप्टर क्रैश में शहीद हुए भारतीय सेना के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित हादसे के शिकार अन्य सभी 11 जवानों को आईईसी विश्वविद्यालय परिसर में से याद कर श्रद्धांजलि प्रस्तुत की। इस अवसर पर सभी शहीदों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई और दो मिनट का मौन रखा। इस दुःखद समय पर सभी शहीदों के परिवारों को इस शोलाकुल घड़ी में सहनशक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की गई। आईईसी यूनिवर्सिटी के कुलपति (इंचार्ज) प्रो० (डॉ०) जितेन्द्र सिंह ने जनरल बिपिन रावत को नमन करते हुए उनके साहस और चीन से लगती सीमा पर बेहतर रणनीतिक कार्य करने और जम्मू-कश्मीर में आतंक विरोध अभियान की सफ़ल रणनीति बनाने में उनके अविस्मरणीय योगदान को याद किया। उन्होंने आईईसी विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार का नाम ‘सीडीएस जनरल बिपिन रावत द्वार’ रखने की घोषणा भी की और रखरखाव का जिम्मा विश्वविद्यालय के एनसीसी विंग को सौंपा। उन्होंने छात्रों में देश के प्रति समर्पण के भाव को हमेशा जागृत रखने की अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
राजकीय महाविद्यालय जोगिन्दर नगर में राष्ट्रीय सेवा योजना यूनिट के तत्वावधान में मानवाधिकार दिवस मनाया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ पवन कुमार ने कहा कि लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य हर साल 10 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय मानव आधिकारिक दिवस मनाया जाता है। सन 1948 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 10 दिसंबर को दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस मनाने का फैसला किया।अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस 2021 की थीम 'असमानताओं को कम करना और मानव अधिकारों को आगे बढ़ाना' रखी गई है। कार्यक्रम में सिविल जज जोगिन्दर नगर राहुल वर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की तथा छात्र-छात्राओं को मानवाधिकार का अर्थ, स्थापना, महत्व तथा उन्हें बनाये रखने के कानून के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।इस अवसर पर प्राचार्य सुनीता सिंह अपने सम्बोधन में अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी पूरी जिम्मेदारी से निभाने की सलाह दी तथा कहा कि अगर हर व्यक्ति अपने दायित्वों को समझ ले तो अधिकारों की रक्षा स्वतः ही हो जाती है और कानून का उपयोग ही नहीं करना पड़ता मानवाधिकार दिवस पर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की। छात्रों ने रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं के द्वारा मानव अधिकारों और उनके सरंक्षण का संदेश दिया गयाl कॉलेज के प्राध्यापक आरती शर्मा, डॉ ओम प्रकाश, डॉ निस्चल भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।
जलशक्ति उपमंडल दाड़लाघाट के अंर्तगत पेयजल भंडारण व सब स्टोरेज टैंकों के वितरण प्रणाली के लिए जल रक्षकों के पद भरे जाएंगे।अध्यक्ष चयजल रक्षकों के पद भरे जाएंगे।अध्यक्ष चयन न समिति एवं सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग उपमंडल दाड़लाघाट नरेश ठाकुर ने बताया कि पंचायत समोग, कोटलू, मांगू, पारनू, संघोई, हनुमान बड़ोग, क्यारड़, दसेरन, सरयांज व दावटी में जलरक्षक की नियुक्ति के लिए पद भरे जाएंगे। उन्होंने बताया कि आवेदकों को प्रार्थना पत्र अन्य सत्यापित दस्तावेज़ों सहित सहायक अभियंता दाड़लाघाट के कार्यालय में 17 दिसम्बर तक शाम 5 बजे तक जमा करवाने होंगे। उपमंडल दाड़लाघाट के अंर्तगत आने वाली पंचायतों से संबंधित आवेदकों को प्रार्थना में यह बताना होगा कि वह सम्बंधित पंचायत के तहत आने वाली उपरोक्त पद के तहत अंशकालीन के लिए आवेदन कर रहा है। उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा संबंधित ग्राम पंचायत का स्थायी निवासी होना चाहिए जिसके लिए वह आवेदन कर रहा है। उन्होंने बताया कि आवदेक कम से कम दसवीं पास होना चाहिए,जबकि उपरोक्त पंचायत के आवदेकों को 21,22 व 23 दिसम्बर को जल शक्ति के कार्यालय में साक्षात्कार हेतु बुलाया जाएगा।
विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के अनुभाग चंडी,ग्याणा,कराडाघाट व सुखन के क्षेत्रों मे 12 दिसम्बर को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियंता दाड़लाघाट तृप्त राज शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि बिजली के आवश्यक रखरखाव हेतु प्रात 9:00 बजे से 5:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से असुविधा हेतु सहयोग की अपील की है।
सम्भव चैरिटेबल सोसायटी ने अर्की सर्कल की समस्त आशा वर्कर के लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलाधीश सोलन कृतिका कुल्हारी मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित रही। समारोह का शुभारम्भ मुख्यातिथि द्वारा दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया। सोसायटी की संरक्षक प्रतिभा कंवर द्वारा मुख्यातिथि का स्वागत गुलदस्ता देकर किया गया। आशा वर्कर द्वारा स्वागत गीत गाया गया।आयोजकों द्वारा शॉल व स्मृतिचिन्ह देकर मुख्यातिथि को सम्मानित किया गया। संस्था की संरक्षक प्रतिभा कंवर ने मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों का कार्यक्रम में पहुंचने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा वर्करों को सम्बोन्धित करते हुए कहा कि समाज की सेवा में आशा वर्करों का बहुत बड़ा योगदान रहता है। कोविड का दौर ,जब पूरा विश्व निराशा में डूबा था ,ऐसे में हमारी आशा बहने अपने नाम को चरितार्थ करते हुए,आशा की किरण बन के आगे आई और बिना किसी भय के सेवा में जुट गई। कोरोना काल मे आप के सेवा भाव व कार्य को देखते हुए संस्था ने आशा वर्करों को सम्मानित करने का निर्णय लिया। संस्था भविष्य में भी ऐसे विभागों को सम्मानित करेगी जो समाज के उत्थान मे अपना उत्कृष्ट कार्य दे रहे है। अर्की सर्कल की आशा वर्कर अध्यक्षा रमा व अन्य ने कोरोना काल व अन्य कार्य क्षेत्र के अपने अनुभव साझा किए तथा सम्भव संस्था का उन्हें सम्मानित करने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यातिथि कृतिका कुल्हारी ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यो तथा ऐसे सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह से हर एक का मनोबल बढ़ता है व समाज को नई दिशा मिलती है। उन्होंने सभी आशा वर्करों को प्रोत्साहित करते हुए कोरोना काल के अलावा अन्य क्षेत्रों में आशा वर्करों की भागीदारी की सराहना की तथा उन्हें समाज मे खासकर महिलाओं को विभिन्न रोगों के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। इस मौके पर सम्भव संस्था की संरक्षक प्रतिभा कंवर, एसडीएम शहजाद आलम, आशा वर्कर अर्की ब्लॉकअध्यक्ष रमा शर्मा आदि उपस्थित रहे।
डाडा सीबा मे शुक्रवार को पूर्व कामगार एवं कर्मचाारी कल्याण बोर्ड के वाईस चैयरमैन सुरेन्द्र सिह मनकोटिया की अध्यक्षता मे एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें ब्लाक खंड, कांग्रेस मंडल के दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता विशेष तौर पर माजूद रहे। इस दौरान जहां अगामी 16 दिंसबर को जसवाँ परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत गांव कोटला बेहड़ मे जन जागरण अभियान को गति देने के उदेश्य से आ रहे नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार की गई तो वहीं अन्य भिन्न भिन्न मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई।16 दिसम्बर को नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री "जन-जागरण अभियान" के तहत बढ़ती महंगाई, भ्रष्टचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिला असुरक्षा, खनन, वन, ड्रग , ट्रांसफर माफिया का साम्राज्य, गुंडागर्दी, कर्मचारियों से बदतमीजी, अत्याचार व हमले , बढ़ती बेरोजगारी, गिरती अर्थ व्यवस्था के विरोधस्वरूप जसवां-प्रागपुर क्षेत्र के कोटला में पधार पर विशाल रैली को संम्बोधित करेंगे। कांग्रेसी नेता सुरिन्दर मनकोटिया ने कहा कि सभी 16 दिसम्बर को 10 बजे कोटला(जसवां) पहुंचकर उपरोक्त मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करें।
राजीव गाँधी स्मारक महाविद्यालय जोगिंदर नगर में वर्ल्ड एड्स डे के अंतर्गत रंगोली और वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता मे निर्णायक की भूमिका मे आईसीटीसी के परामर्श दात्री कृष्णा वर्मा, डा. माणिक ठाकुर, डा. अर्चना ठाकुर रहे। रंगोली प्रतियोगिता मे शिवानी, कशिश, काजल और शबनम ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। वीडियो मेकिंग मे प्रियानशु, विवेक और लेख राज ने क्रमशःपहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता के अवसर पर प्राचार्या श्रीमति सुनीता सिंह, प्रॉ उत्तम भारदवाज, प्रो ओम प्रकाश कपूर, डा. पवन कुमार, डा. सम्जीत सिंह, प्रो आरती शर्मा, प्रॉ पूनम, प्रॉ कौमुदी शर्मा उपस्थित रहे।
उपमंडल जोगिंदर नगर के राजकीय महाविद्यालय में एसएफआई के छात्र समुदाय ने तमिलनाडु में हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले वीर जांबाज सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इकाई के अध्यक्ष रोहित ने कहा कि यह देश के लिए बेहद ही बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि एसएफआई ऐसे वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करती है, तथा शहादत पाने वाले सिपाहियों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है। उनके साथ विशेष तौर से एसएफआई सचिव संजना व एसएफआई के अन्य कार्यकर्ता तथा उनके सहयोगी छात्रों ने भाग लिया। उन्होंने इस हादसे की जांच की मांग करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त एम आई-17 युद्ध विमान का इस तरह से क्रैश होना कई तरह के संदेह पैदा करता है,जिसकी पुख्ता जांच की जानी चाहिए।
ब्लॉक कॉंग्रेस अध्यक्ष राकेश धरवाल ने जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र के कधार, रोपा पधर और हरगुणैन बूथों का दौरा कर कॉंग्रेस के युवा और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। धरवाल ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ का एक-एक कार्यकर्ता एकजुटता से कॉंग्रेस पार्टी के सदस्यता अभियान में बढ़ चढ़ कर भाग ले और ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को कॉंग्रेस पार्टी से जोड़ने के लिए जुट जायें। जो भी इच्छुक लोग कॉंग्रेस पार्टी की विचारधारा से सहमत हैं और पार्टी का सदस्य बनना चाहते हैं, उनको पूरे मान सम्मान के साथ सदस्यता दी जाये। कॉंग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करना जानती है और सभी कार्यकर्ताओं को एक नजर से देखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई लोग उपचुनावों से पहले कहते थे कि एक सीट से क्या महंगाई खत्म हो जायेगी। कॉंग्रेस पार्टी ने तब भी कहा था कि भले ही सीट एक हो लेकिन इसकी गूँज दिल्ली को हिला देगी। सांसद प्रतिभा सिंह की जीत के अगले ही दिन पेट्रोल डीजल के दामों में बड़ी कटौती की गई। ये इसी बात का सबूत है कि ये डबल इंजन की निकम्मी सरकार गूंगी बहरी हो चुकी है और इसको होश में लाने का काम कॉंग्रेस पार्टी ही कर सकती है। इस अवसर पर कुशल कुमार, भूपेंद्र, नवीन, नित्यानंद, अनु, ओमी, दिनेश और डी के इत्यादि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिमाचल विधानसभा शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही विपक्ष हमलावर हो गया है। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई और शोक उद्गार के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने सदन में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया। सदन में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, धनीराम शांडिल, मोहन लाल, राम लाल ठाकुर, आशा कुमारी, जगत सिंह नेगी ने सदन में अविश्वास प्रस्ताव रखा। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सदन में कहा भाजपा की बीते उपचुनावों में हार हुई है । जयराम सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है । जनता सड़कों पर उतर कर धरने प्रदर्शन कर रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विपक्ष के पास एक तिहाई बहुमत है बावजूद इसके अविश्वास प्रस्ताव स्वीकार नही किया गया और न ही चर्चा की गई। विपक्ष का आरोप राज्य में माफिया पनप रहा है। जिन्हे सरकार का पूरा संरक्षण दिया जा रहा है। सदन में गहमा गहमी का माहौल बना रहा।
हिमाचल प्रदेश कृषि सेवाएं संघ- प्रथम श्रेणी (हिपासा-1) के प्रदेशाअध्यक्ष डॉ रविन्द्र शर्मा ने डॉ. नरेंद्र कुमार धीमान को प्रदेश कृषि विभाग में निदेशक नियुक्त करने के लिए प्रथम श्रेणी (हिपासा-1) राज्य निकाय की ओर से मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर एवं कृषि मन्त्री वीरेंदर कवंर का धन्यवाद किया है। प्रदेशाअध्यक्ष ने बताया कि हिमाचल प्रदेश कृषि सेवाएं संघ प्रथम श्रेणी(हिपासा-I) की ओर से कृषि अधिकारियों की काफी समय से लम्बित मांग पूरी हुई है। उन्होने बताया की लगभग एक वर्ष के अन्तराल बाद कृषि अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान में कृषि अधिकारियों की अनेकों मांगे सरकार से लंबित हैं। उन्होने संघ की ओर से नव नियुक्त कृषि निदेशक को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और डॉ नरेंद्र कुमार धीमान को बधाई प्रेषित की।प्रदेशाअध्यक्ष डॉ रविन्द्र शर्मा ने कहा कि कृषि विभाग उच्च अधिकारी डॉ नरेन्द्र कुमार धीमान को कृषि निदेशक का कार्यभार दिए जाने पर कृषि अधिकारियों में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि हमें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि मुख्य मन्त्री एवं कृषि मंत्री हिमाचल प्रदेश सरकार हमारी मुख्य समस्याओं और मांगो को अतिशीघ्र पूरा करेंगे। उन्होने कहा कि संघ हिमाचल प्रदेश सरकार को हर संभव सहयोग देने के लिए वचनबद्व है ताकि प्रदेश में किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके तथा सरकार की सभी योजनाओं को किसानों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सके।
इंटरनेट एवं तकनीकी युग न केवल सूचनाओं को आम जन पहुंचाने में बड़ा प्रभावी है बल्कि समयबद्ध सही एवं सटीक सूचना उपलब्ध होने से अनावश्यक परेशानी से भी निजात मिलती है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन की दृष्टि से एक अहम राज्य है तथा प्रतिवर्ष लाखों देसी व विदेशी सैलानी भ्रमण हेतु यहां पहुंचते हैं। पर्यटन एवं धार्मिक दृष्टि से मंडी जिला का जोगिन्दर नगर उपमंडल भी एक अहम स्थान रखता है। लेकिन धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से भ्रमण को आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए सही एवं सटीक सूचना उपलब्ध न होने के कारण न केवल वे कई अहम स्थानों को देखने व जानने से वंचित रह जाते हैं बल्कि जोगिन्दर नगर व आसपास में पर्यटक रुकना पसंद भी नहीं करते हैं। लेकिन अब जोगिन्दर नगर प्रशासन ने पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को सही व सटीक सूचना उपलब्ध करवाने की दृष्टि से फेसबुक पेज शुरू करने का निर्णय लिया है। इस बात की पुष्टि करते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि जोगिन्दर नगर उपमंडल में मौजूद धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थानों की जानकारी को डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने के लिए जल्द ही फेसबुक पेज शुरू करने जा रहा है। इस फेसबुक पेज में जोगिन्दर नगर उपमंडल में मौजूद कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थानों जैसे सिमसा माता मंदिर, नागेश्वर महादेव, त्रिवेणी महादेव, बंडेरी माता मंदिर, गढ़ माता मंदिर, मच्छयाल, चतुर्भुजा माता मंदिर, पंचमुखी मंदिर, बाबा बालकरूपी सहित कई अन्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थान मौजूद हैं। इसके अलावा जोगिन्दर नगर के आसपास कई ऐतिहासिक स्थान, पन बिजली परियोजनाओं के साथ-साथ प्रदेश व राष्ट्रीय महत्व के संस्थान भी मौजूद हैं जिनमें शानन पन विद्युत गृह, बस्सी पावर हाउस, राजस्व प्रशिक्षण संस्थान, आयुर्वेदिक फार्मेसी, हर्बल गार्डन, रेलवे स्टेशन, महाशीर मछली प्रजनन फार्म, करनपुर किला इत्यादि प्रमुख हैं। इसी तरह प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से जोगिन्दर नगर के साथ-साथ आसपास कई अहम स्थान भी मौजूद हैं जिनकी जानकारी इस फेसबुक पेज के माध्यम से लोगों को उपलब्ध करवाई जाएगी। एसडीएम का कहना है कि जोगिन्दर नगर के समीप विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट्स मौजूद है जहां पर विदेशी सैलानी भी पहुंचते हैं। ऐसे में इन सैलानियों को जोगिन्दर नगर व आसपास की सही जानकारी मिलने से इन्हे धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से भ्रमण को आकर्षित किया जा सकता है। इससे न केवल जोगिन्दर नगर उपमंडल को पर्यटन की दृष्टि के एक अलग पहचान देने का प्रयास किया जा सकेगा बल्कि पर्यटकों की आवक बढ़ने से यहां पर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर रोजगार के साधन भी सृजित हो सकते हैं। साथ ही बताया कि जोगिन्दर नगर प्रशासन की विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं की जानकारी भी इसी प्लेटफॉर्म पर स्थानीय लोगों को उपलब्ध करवाने का भी प्रयास किया जाएगा। इससे जहां लोगों को सही व सटीक सूचना उपलब्ध रहेगी तो लोगों को अनावश्यक परेशानी से भी निजात मिल जाएगी। उन्होने बताया कि आगामी कुछेक दिनों में एसडीएम कार्यालय जोगिन्दर नगर के फेसबुक पेज को प्रारंभ कर दिया जाएगा तथा चरणबद्ध तरीके से यहां के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थानों की जानकारी को आमजन के साथ साझा किया जाएगा।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू जिला सोलन (Solan) में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की लड़कियों के लिए चयन परीक्षा 11 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी पाइनग्रोव स्कूल ने इस चयन परीक्षा द्वारा जिला सोलन की नौ छात्राओं को चयनित किया था और वे आज भी स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। बता दें कि इस परीक्षा में चयनित होने के लिए छात्रा को हिमाचल प्रदेश की स्थाई निवासी होना अनिवार्य है। छात्रा प्रथम कक्षा से ही सरकारी पाठशाला में पढ़ रही हो और छात्रा की आयु 9 वर्ष से अधिक और 12 वर्ष से कम होनी चाहिए। साथ ही छात्रा का वर्तमान में पाँचवीं कक्षा में होना अनिवार्य है। बता दें कि चयन परीक्षा के आधार पर दो सर्वश्रेष्ठ छात्राओं को पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में प्रवेश दिया जाएगा। इन छात्राओं को पाइनग्रोव स्कूल द्वारा नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। पाइनग्रोव स्कूल सीबीएसई, आईपीएससी, आईएवाईपी और एनसीसी बिट्रिश काऊंसिल आईएसओ 9001.2000 से प्रमाणित है। वहीं पाइनग्रोव स्कूल ने डीसी सोलन के माध्यम से शिक्षा विभाग सोलन को सूचित किया है कि वह अपने बलबूते पर गरीब परिवारों की लड़कियों की सहायता कर रहे हैं। गत वर्ष यह परीक्षा कोविड के कारण रद्द कर दी गई थी।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को तमिलनाडु में एक हेलीकाॅप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ़ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी धर्मपत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने कहा कि जनरल बिपिन रावत ने राष्ट्र की सुरक्षा और भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए बहुत योगदान दिया। उनका निधन देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जयराम ठाकुर ने कहा कि देश ने भारतीय सेना के एक सम्मानित अधिकारी और शीर्ष कमांडर को खो दिया है, उन्होंने कई महत्वपूर्ण अवसरों पर देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि जनरल रावत द्वारा राष्ट्र को प्रदान की गई सर्वोच्च सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने दुर्घटना मे घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है। Shimla Himachal News
प्रदेश में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए हिमाचल पुष्प क्रान्ति योजना के अन्तर्गत 1134 पुष्प उत्पादकों को 23.60 करोड़ रुपए का अनुदान प्रदान किया गया है। यह जानकारी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से सम्बद्ध हिम सांस्कृतिक दल के कलाकारों द्वारा सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शमरोड़ तथा नौणी में आयोजित कार्यक्रमों में दी। कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जाबल जमरोट तथा पट्टाबरावरी में पर्वतीय लोक मंच दाड़वां के कलाकारों द्वारा गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में अवगत करवाया गया। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश में फूलों की खेती को हिमाचल पुष्प क्रान्ति योजना के तहत पाॅलीहाउस व पाॅलीटनल स्थापित करने तथा पंखे व पैड इत्यादि के लिए 85 प्रतिशत तक उपदान प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत पौध सामग्री पर भी 50 प्रतिशत उपदान दिया जा रहा है। फूलों के परिवहन भाड़े पर व्यापक छूट दी गई है ताकि पुष्प उत्पादक अपने उत्पाद दिल्ली व अन्य शहरों में आसानी से भेज सकें। कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह को योजना के लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी प्रदान की। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पैंशन योजना के अन्तर्गत वृद्ध, एकल नारी, कुष्ठ रोगी, ट्रांसजेंडर, विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। सोलन जिला में 60 से 69 वर्ष के सामाजिक सुरक्षा पैंशन धारकों की संख्या 6747 है। 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सामाजिक सुरक्षा पैंशनरों की कुल संख्या 11896 है। कलाकारों ने बताया कि महिला सशक्तिकरण व पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कार्यान्वित की जा रही महत्वाकांक्षी हिमाचल गृहिणी सुविधा के तहत सोलन ज़िला में अभी तक 17 हजार से अधिक लाभार्थियों को गैस कनेक्शन निःशुल्क प्रदान किए गए हैं। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। इस अवसर पर कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह का आह्वान किया कि वे युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के लिए अपने परिवार से पहल करनी होगी। युवा अपने घर पर परिजनों तथा साथियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाएं। नशे के उन्मूलन के लिए अभिभावकों को भी भूमिका निभानी होगी। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखें और उनके व्यवहार में परिवर्तन के संबंध में बच्चों से बात करें। इस विषय में अध्यापकों तथा चिकित्सकों से बिना समय गवाएं परामर्श अवश्य लें। Solan Himachal News
प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में बीपीएल परिवारों को मकान बनाने के लिए 1.50 लाख रुपए प्रति लाभार्थी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। राज्य में योजना के अन्तर्गत अभी तक 4500 से अधिक मकान निर्मित कर 60 करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई है। यह जानकारी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत पूजा कलामंच बाड़ीधार के कलाकारों ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोली तथा चड़ोग में आयोजित कार्यक्रमों में दी। सप्तक कलामंच के कलाकारों द्वारा दून विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत लेही तथा गुल्लरवाला में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा प्रायोजित विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को बताया गया कि निगम द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से लघु अवधि के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं जिनसे युवा स्वरोज़गार अपना सकते हैं। कलाकारों ने बताया कि ग्रामीण व शहरी क्षेेत्रों में विभिन्न आवास योजनाओं के अन्तर्गत 10 हजार नए आवासों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत अनुसूचित जाति के पात्र व्यक्तियों के लिए 5100 आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 1000 आवास तथा प्रधानमंत्री आवास योजा ग्रामीण के तहत 800 आवास निर्मित किए जा रहे हैं। शिव शक्ति कलामंच के कलाकारों द्वारा अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भूमती तथा सरली में गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई। आम जन को कोविड-19 से बचाव तथा नशा निवारण के प्रति भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने समूह गान ‘विकास की राह पर क्षितिज की ओर चल रहा हिमाचल बढ़ रहा हिमाचल’ के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्राम कौशल योजना, मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन, सामाजिक सुरक्षा पैंशन, जनमंच, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री सहारा योजना तथा हिमकेयर योजना की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 आरम्भ की गई है। यह हेल्पलाइन रविवार को छोड़कर सप्ताह के 06 दिन सुबह 7.00 बजे से रात 10.00 बजे तक कार्य कर रही है। लोग इस हेल्पलाइन पर अपनी किसी भी प्रकार की समस्या को दर्ज करवा सकते हैं। Solan Himachal News
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का वीरवार को कांगड़ा जिला के धर्मशाला आगमन पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री 10 दिसम्बर से आरम्भ हो रहे राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र में हिस्सा लेने के लिए धर्मशाला आए हैं। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने संवाद कक्ष परिधि गृह में जन समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध समाधान के लिए जरूरी निर्देश दिए। वन व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया, धर्मशाला के विधायक विशाल नेहरिया, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर और अन्य स्थानीय नेताओं ने गग्गल हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। Shimla Himachal News
उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा विभाग सोलन द्वारा कला अध्यापकों के 22 पदों के लिए बैच आधार पर भर्ती के लिए जिला सोलन से सम्बन्धित उम्मीदवारों की काउन्सिलिंग 27 दिसम्बर, 2021 को आयोजित की जाएगी। अन्य जिलों के उम्मीदवारों के लिए काउन्सिलिंग 28 से 30 दिसम्बर, 2021 तक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा दीवान चंदेल ने दी। दीवान चंदेल ने कहा कि यह काउन्सिलिंग उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन के कार्यालय में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला के उम्मीदवारों के लिए काउन्सिलिंग 27 दिसम्बर, 2021 को आयोजित की जाएगी। 28 दिसम्बर, 2021 को बिलासपुर, सिरमौर तथा मण्डी तथा 29 दिसम्बर, 2021 को किन्नौर, शिमला, कांगड़ा तथा चम्बा ज़िलों के उम्मीदवारों के लिए काउन्सिलिंग आयोजित की जाएगी। 30 दिसम्बर, 2021 को हमीरपुर, ऊना, कुल्लू तथा लाहौल-स्पीति ज़िला के उम्मीदवारों के लिए काउन्सिलिंग आयोजित की जाएगी। दीवान चंदेल ने कहा कि काउन्सिलिंग के लिए सामान्य वर्ग के 09 पदों के लिए वर्ष 2004 तक का बैच, अनुसूचित जाति वर्ग के 05 पदों के लिए वर्ष तक का 2005 बैच, अन्य पिछड़ा वर्ग के 04 पदों के लिए वर्ष 2010 तक का बैच, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 03 पदों के लिए वर्ष 2005 तक का बैच तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के 01 पद के लिए वर्ष 2005 तक का बैच निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि काउन्सिलिंग के लिए सोलन ज़िला के पात्र उम्मीदवारों को बुलावा पत्र प्रेषित किए जा रहे हैं। यदि किसी उम्मीदवार को बुलावा पत्र नहीं मिलता है तो वह कार्यालय की वैबसाईट www.ddeesolan.tk पर अपलोड की गई सूची को देख सकते हैं। यदि किसी उम्मीदवार का नाम रोजगार कार्यालय से छूट गया हो तो वह अपने नज़दीकी रोजगार कार्यालय से 20 दिसम्बर, 2021 तक अपना नाम इस कार्यालय को प्रेषित कर सकते हैं। दीवान चंदेल ने कहा कि सभी उम्मीदवारों को काउन्सिलिंग के दिन सभी अर्हता एवं पात्रता पूर्ण करते हुए बायो डाटा प्रपत्र को भरकर लाना होगा। यह बायोडाटा प्रपत्र उपरोक्त वैबसाईट पर उपलब्ध है। Solan Himachal News
सोलन जिला में पुनरोत्थान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा पुनरोत्थान मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत विभिन्न रबी फसलों का बीमा किया जा रहा है। यह जानकारी कृषि उपनिदेशक सोलन डाॅ. राजेश कौशिक ने दी। डाॅ. राजेश कौशिक ने कहा कि पुनरोत्थान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत रबी मौसम में गेहूं व जौ की फसलों को शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत बीमा करवाने की अन्तिम तिथि 15 दिसम्बर 2021 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि पुनरोत्थान मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अन्तर्गत रबी मौसम में टमाटर व ज़िला के धर्मपुर विकास खंड के लिए शिमला मिर्च की फसल को शामिल किया गया है। इस योजना के तहत बीमा करवाने की अन्तिम तिथि 28 फरवरी 2022 निर्धारित की गई है। कृषि उपनिदेशक ने कहा कि किसान इन फसलों का बीमा अपने समीप के लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से करवा सकते हैं। इसके लिए किसान जमाबंदी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बिजाई प्रमाण पत्र इत्यादि जैसे अपने दस्तावेज लेकर लोकमित्र केंद्रों में जाएं अथवा ऑनलाइन पोर्टल https://pmfby.gov.in पर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि ऋणधारक किसान यदि इन योजनाओं का लाभ नहीं लेना चाहते तो वह संबंधित बैंक को इस बारे में अन्तिम तिथि से 7 दिन पूर्व अवश्य सूचित करें अन्यथा उनकी फसल का बीमा स्वतः हो जाएगा। डाॅ. राजेश कौशिक ने कहा कि गेहूं की फसल के लिए कुल बीमित राशि 2400 रुपए तथा जौ की फसल के लिए बीमित राशि 2000 रुपए प्रति बीघा निर्धारित की गई है। किसानों को गेहूं की फसल के लिए 36 रुपए प्रति बीघा तथा जौ की फसल के लिए 30 रुपए प्रति बीघा प्रीमियम राशि अदा करनी होगी। टमाटर की फसल के लिए कुल बीमित राशि 8000 रुपए प्रति बीघा तथा शिमला मिर्च की फसल के लिए कुल बीमित राशि 3200 रुपए प्रति बीघा निर्धारित की गई है। किसानों को टमाटर की फसल के लिए 400 रुपए प्रति बीघा तथा शिमला मिर्च की फसल के लिए 160 रुपए प्रति बीघा प्रीमियम राशि अदा करनी होगी। कृषि उपनिदेशक ने कहा कि पुनरोत्थान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व पुनरोत्थान मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत कम वर्षा, सूखा, बाढ़, सैलाब, भूमि कटाव, ओलावृष्टि और फसल कटाई के उपरान्त 02 सप्ताह तक होने वाले नुकसान तथा स्थानीय आपदाओं को कवर किया जाता है। उन्होंने ज़िला के किसानो से आग्रह किया है कि इन योजनाओं के अन्तर्गत अपनी फसलों का बीमा करवाएं ताकि फसलों का नुकसान होने पर बीमा कंपनियों से मुआवज़ा मिल सके। उन्होंने कहा कि बीमा करवाने के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी को चयनित किया गया है। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए अपने समीप के कृषि अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। Solan Himachal News
उप-चुनावों के परिणाम के बाद जयराम सरकार के कार्यकाल का तेहरवां विधानसभा सत्र 10 दिसम्बर, 2021 को शुरू होने जा रहा हैं। तपोवन में पिछले वर्ष कोरोना के चलते विधानसभा का शीतकालीन सत्र नहीं करवाया गया था। विधानसभा चुनाव से एक वर्ष पहले शुरू होने जा रहा विधानसभा सत्र बेहद ख़ास रहने वाला है। कांग्रेस विधायकों के निधन से खाली हुई अर्की और फतेहपुर सीट फ़िर से कांग्रेस को मिली जबकि रोहित ठाकुर की जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सरकार से सीधी टक्कर के बाद भाजपा पर जीत से कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं। विधानसभा चुनाव से एक वर्ष पहले कांग्रेस का जोश तपोवन के सदन में देखने को मिलेगा। इस सत्र में जुब्बल-कोटखाई से नवनिर्वाचित विधायक रोहित ठाकुर की जीत से कांग्रेस विधायकों का संख्याबल बढ़ेगा तो दूसरी ओर भाजपा की एक सीट कम होगी। रोहित ठाकुर की जीत से अब कांग्रेस विधायकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है जिससे कांग्रेस को संवैधानिक तौर से विधानसभा में विपक्षी दल का दर्ज़ा मिल गया हैं। विधानसभा के उप-चुनाव में सबसे हॉट सीट जुब्बल-कोटखाई को माना जा रहा था और भाजपा सरकार ने इसे जीतने के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर लगाया और घोषणाओं की झंडी लगा दी। निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा दोहरी सहानुभूति लेने के बावजूद भी रोहित ठाकुर के जन-सम्पर्क अभियान, कांग्रेस की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से कांग्रेस को जीत हासिल हुई। वहीं भाजपा अपनी जमानत तक नही बचा पाई। नवनिर्वाचित विधायक रोहित ठाकुर तीसरी मर्तबा विधानसभा पहुँचे हैं। रोहित ठाकुर जिला शिमला में मौजूदा कांग्रेस विधायकों में सबसे वरिष्ठ हैं। इससे पहले रोहित ठाकुर 2003 और 2012 में विधायक रह चुकें हैं जबकि 2012 में वीरभद्र सरकार में उन्हें मुख्य संसदीय सचिव बनाया गया था।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा एक दिवसीय कैंप का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के इस एक दिवसीय कैंप में विद्यार्थियों ने विद्यालय कैंपस, परिसर से लेकर सीएचसी पांगणा तथा मुख्य बाजार तक स्वच्छता अभियान चलाया। इसके अंतर्गत विद्यालय में उगी हुई घास,परिसर और बाजार के किनारे उगी हुई झाड़ियों को काटा गया,साथ ही कूड़े- कचरे को एकत्रित किया गया। एक दिवसीय शिविर के इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरी निष्ठा और लगन के साथ कार्य किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के इंचार्ज हिंदी प्रवक्ता डोलमा शर्मा व इंग्लिश प्रवक्ता दीपक गुप्ता ने विद्यार्थियों को बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना उनकी पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र व समाज के लिए उनकी जिम्मेदारियों से भी अवगत करवाता है। उन्होंने कहा एक दिवसीय इस कैंप में सभी विद्यार्थियों ने सराहनीय कार्य किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी हर समय समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी सराहना की।
जोगिंदरनगर विधान सभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मटरू का एक शिष्टमंडल प्रधान रेखा देवी की अध्यक्षता में विधायक प्रकाश राणा से उनके निवास स्थान गोलवां में मिला,तथा विधायक को अपनी समस्यायों से अवगत करवाया। प्रधान रेखा देवी ने बताया कि प्राथमिक पाठशाला सुजा के भवन की हालत दयनीय हो चुकी है। वहीं बदेहड़ लिंक रोड की भी हालत खराब है। पंचायत में बनी सड़क की नालियां भी बंद पड़ी है। इस अवसर पर माननीय विधायक प्रकाश राणा ने पंचायत के लोगों को आश्वासन दिया की प्राथमिक पाठशाला के भवन को शीघ्र धन राशि मंजूर कर उसका निर्माण किया जाएगा। बदेहड़ लिंक रोड को लोक निर्माण विभाग के अधीन कर शीघ्र ही उनकी समस्या को दूर किया जाएगा। बरसात में फुट ब्रिज में आ रही समस्या को दूर करने के लिए पंचायत में प्रस्ताव पारित करें, उसका भी जिलाधीश के माध्यम से शीघ्र हल किया जाएगा। बाकी पंचायत की शेष समस्यायों को क्रमवार पूरा किया जाएगा। पंचायत की समस्यायों को हल करने के लिए प्रधान रेखा देवी ने माननीय विधायक का आभार व्यक्त किया।
खुंडिया व्यापार ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव कर इलाके में फेरी लगाने बालों पर शिकंजा कस दिया है । खुंडिया व्यापार मण्डल के उपाध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि चंगर क्षेत्र में बिना व्यापार मण्डल की अनुमति के माल बेच रहे फेरी बालों का माल जब्त कर लिया जाएगा । जब्त माल गरीब बच्चों में बांट दिया जाएगा । उल्लेखनीय है कि यह फेरी वाले कपड़ा , मनियारी , चादर , और गारमेंट्स से लेकर तमाम सामान घर-घर बेच रहे हैं । अजय राणा ने बताया कि उन्होंने बीकॉम कर रखा है, लेकिन सरकारी नौकरी न मिलने की वजह से खुंडिया में बैंक से स्वरोजगार योजना के तहत कर्जा लेकर किराए पर दुकान लेकर मनियारी बगैरा का बिजनेस शुरू किया है, लेकिन वैश्विक महामारी कोरोना और फेरी बालों की वजह से उनका धंधा चौपट हो कर रह गया है । अब हालात यह पैदा हो गए हैं कि वे लगभग एक साल से बैंक की किस्तें अदा नहीं कर पा रहे हैं । क्योंकि दुकानदारों को बिजली ,पानी का बिल ,दुकान का किराया ,टैक्स आदि कई खर्चे भरने पड़ते हैं, जबकि यह फेरी वाले न तो बिजली ,पानी का बिल देते हैं और न ही सरकार को टैक्स देते हैं । एक तरफ यह फेरी वाले सरकार को चूना लगा रहे हैं दूसरी तरफ दुकानदारों का धंधा चौपट कर रहे हैं । लेकिन प्रशासन का चाबुक भी दुकानदारों पर ही चल रहा है । जबकि प्रशासन ने इन फेरी बालों को खुली छूट दे रखी है जोकि किसी भी कीमत पर सहन नहीं होगी । अब जब प्रशासन कुम्भकर्णी नींद सोया हुआ है तो खुंडिया व्यापार मण्डल ने स्वयं जागकर इन फेरी बालों को सबक सिखाने का फैसला लिया है की खुंडिया क्षेत्र के इलाके में अगर कोई फेरी बाला व्यापार मंडल की इजाजत के बिना घर घर सामान बेचता हुआ पकड़ा गया तो उसका माल जब्त कर लिया जाएगा और जब्त माल गरीब लड़कियों की शादी में भेंट कर दिया जाएगा ।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत पुलिस ने एक महिला को पकड़ा है, जिस पर गहने व नकदी चोरी के आरोप हैं। पुलिस ने शिकायतकर्ता आशा रानी के बयान पर उक्त महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामलें की जांच जारी है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी जीत सिंह ने की है। जानकारी के अनुसार आशा रानी निवासी दरंग ने बयान दर्ज करवाया कि उसका घर दरंग में गली के किनारे है। बुधवार दोपहर बाद 2 बजे चूड़ा पहने एक नवविवाहिता घर आई। उस समय सारा परिवार घर पर ही था और मिस्त्री काम पर लगाया हुआ था। उस समय रसोई में मिस्त्री ने बताया कि कोई चूड़ा पहने औरत घर आई है, जब महिला रसोई से निकलकर बाहर देखने आई तो वह औरत दरवाजे के पीछे छुपकर देख रही थी। उससे आने का कारण पूछा तो उसने कहा कि वह अपनी रिश्तेदार को निमंत्रण देने आई है और टालमटोल करती नजर आई। उसी समय महिला के ससुर ने उस नवविवाहिता को पहचान लिया और बताया कि यह वही औरत है, जो 2 दिसंबर को दिन के समय घर आई थी। अपने आप को नर्स बता रही थी। ससुर ने यह भी बताया कि कि इसी युवती ने उनकी रसोई में चाय बनाई थी और उन्हें भी पिलाई थी। कुछ समय बाद वहां से चली गई थी। महिला ने बताया कि 3 दिसंबर को जब उसने घर का सामान देखा तो कुछ सामान बिखरा दिखने पर शक हुआ। जांच करने पर पाया कि सोने का एक जोड़ी झुमका, एक जोड़ी टॉप्स, एक लेडीज अंगूठी व करीब 13 हजार रुपये गायब थे। यह गद्दे के नीचे थे। तब परिवार ने घर पर लगे सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो यही नवविवाहिता घर घूमती हुई दिखी और आज भी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से इसकी पहचान की गई है। यह औरत दोबारा चोरी करने के इरादे से घर आई थी। घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने इस औरत का नाम पता पूछा तब औरत ने अपना नाम ज्योति बाला पत्नी राजेश कुमार निवासी सुकड़याह तहसील नादौन बताया। महिला ने बताया कि इसी औरत ने 3 दिसंबर को चोरी की है। उधर, पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने चोरी की बात कबूल कर ली है। अब ज्वालामुखी में हो रही चोरियों से भी पर्दाफाश हो सकता है।
ज्वालामुखी के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बुधवार को एक विशेष बैठक विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला की अध्यक्षता में हुई जिसमें विभाग के अधीक्षण अभियंता धर्मशाला महेंद्र धीमान, अधिशासी अभियंता देहरा दिनेश धीमान, सहायक अभियंता ज्वालामुखी रघुवीर सिंह, सहायक अभियंता खूंड़िया कैलाश चंद्र, सहायक अभियंता मझीन और क्षेत्र के सभी कनिष्ठ अभियंता उपस्थित हुए जिसमें क्षेत्र में चल रहे करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें प्रमुख रूप से लगभग 15 करोड़ का सिविल अस्पताल भवन, करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाला मरियाणा पुल, लगभग 285 करोड रुपए की सड़कों के कार्य बारे विस्तार से हर अधिकारी से उसके क्षेत्र में चल रहे कार्यों के बारे में चर्चा की गई और विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए विधायक रमेश धवाला ने अधिकारियों को निर्देश दिए। विधायक रमेश धवला ने अधिकारियों से कहा कि जो भी कार्य हो रहे हैं वह गुणवत्ता वाले कार्य होने चाहिए उनमें उपयोग की जा रही सामग्री की जांच होनी चाहिए कि वह किस क्वालिटी की है। बेहतर क्वालिटी की निर्माण सामग्री इस्तेमाल की जाए ताकि लोगों को इसका ज्यादा लंबे समय तक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि हर विकास कार्य की अधिकारी समय-समय पर जांच करें ताकि ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्य चेक किए जा सके। उनमें किसी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्य में घटिया निर्माण सामग्री लगाई गई तो ठेकेदार के साथ अधिकारी की भी जवाबदेही तय की जाएगी। इस मौके पर भाजपा नेता मान चंद राणा, विमल चौधरी, रामस्वरूप शास्त्री, जोगेंद्र कौशल, देशराज अत्रि, विजय मेहता व अन्य कई भाजपा नेता उपस्थित थे l
विद्युत विश्रामगृह ज्वालामुखी में विद्युत पेंशनर फॉर्म हिमाचल प्रदेश ज्वालामुखी इकाई के पेंशनरों का सम्मेलन के एल शर्मा अप्पर सचिव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सम्मेलन में आए हुए सदस्य ने अपने अपने विचार व्यक्त किए तथा करोना काल में अपने बिछड़े साथियों के प्रति अपनी भावभीनी संवेदना व्यक्त की। इसके बाद सभी आए हुए सदस्यों ने ज्वालामुखी के नाम पर अपना अलग यूनिट बनाने का प्रस्ताव रखा जो सर्वसम्मति से मान लिया गया। इसके बाद एडहॉक कमेटी का गठन किया गया जिसमें सर्वसम्मति से एसएस चंबयाल को अध्यक्ष, बसंत सिंह को सचिव, पूर्ण चंद को वित्त सचिव बनाया गया। इसके बाद अगली कार्रवाई के लिए जनवरी माह वर्ष 2022 के दूसरे शनिवार को फिर से विद्युत विभाग के विश्राम गृह ज्वालामुखी में इकट्ठा होने का निर्णय लिया गया और शीघ्र ही कार्यकारिणी का विस्तार करने के लिए 3 सदस्य कमेटी को अधिकृत किया गया l
ग्राम पंचायत त्यामल के वार्ड नंबर चार स्थित सुभाष पुर बाजार मे चोरी की एक अजीबो गरीब वारदात सामने आई है। यहाँ लुटेरे ने नगदी सोने चांदी के जेवरात नहीं बल्कि सुभाषपुर बाजार मे स्थानीय पँचायत प्रतिनिधियो द्बारा सरकारी पैसो से तमाम ग्रामीणो की सुविधा हेतु बन रहे नए सार्वजनिक शौचालय की सीटिगं सीट ही चोरी कर एक ओछी हरकत को अंजाम दिया है। जबकि गत रात हुई वारदात को लेकर पँचायत प्रधान त्यामल रंजना राणी ने पुलिस चौकी डाडासीबा मे आरोपी लुटेरे के खिलाफ फोन द्वारा सूचना देते हुए सख्त कारवाही की मांग उठाई है । पँचायत प्रधान रंजना राणी ने जानकारी देते हुए कहा कि यहां बाजार मे तमाम ग्रामीणो की सुविधा हेतु सार्वजनिक शोचालय का निर्माण कार्य चला हुआ है जिसमें दो सीटे सिटिग व दो सीटे स्टैंडिंग रखी जानी थी इन्होने कहा कि बीते कल अभी दो ही सीटिगं सीटे रखी थी और उनमे से गत रात को कोई लुटेरा एक सीट उखाड़ कर ही ले गया जो कि बडी़ हैरानी वाली बात है। प्रधान रंजना राणी का आरोप है कि अभी अन्य टॉयलेट सीटें आज यानी बुधवार को रखी जानी थी लेकिन इससे पहले ही किसी लुटेरे ने पहले ही एक सीट चोरी कर ली। पँचायत प्रधान रंजना राणी का आरोप है कि ऐसी चोरी की वारदात की घटना कोई नई नही है। इससे पहले भी उक्त लुटेरे यहां मौका देखकर लोगो के नलो की टुटियां तक चुरा चुके है। इस संबंध में चौकी प्रभारी राजेश द्विवेदी ने बताया फोन द्वारा सूचना मिली थी और मामले की छानबीन की जाएगी।
पुलिस थाना रक्कड़ के अंतर्गत पड़ते बणी स्थित कृषि सेवा सहकारी सभा सीमित मैरा बणी सोसायटी में एक कमरा शिव मन्दिर के भंडार का है। जहां विवाह शादियों के बर्तन रखे जाते हैं जिनमें से 6 सगले किसी व्यक्ति द्वारा 7-8 दिसम्बर की मध्य रात्री कमरे का ताला तोड़कर चुरा लिए गए है। शिकायतकर्ता रविन्द्र सिंह पुत्र टेक चन्द गांव डांगड़ा डा० व उप तहसील प्रागपुर जिला काँगड़ा हि०प्र० हाल सचिव दी वणी कृषि सेवा सहकारी सभा सीमित डा० मैरा वणी त० रक्कड़ ने पुलिस के समक्ष इस संदर्भ में शिकायत की है जिस पर पुलिस थाना रक्कड़ द्वारा मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ रक्कड़ चिरंजीलाल शर्मा ने कहा कि पुलिस त्वरित कार्यवाही करते हुए मामले की छान बिन कर रही है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में पंजीकृत दल ओम सांस्कृतिक कला मंच ज्वालाजी द्वारा लगड़ू तथा बग्गी पंचायत में लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की नुक्कड़ नाटकों तथा गीतों के माध्यम से जानकारी दी गई। इस अवसर पर कला मंच ने लोगों का भरपूर मनोरंजन भी किया। सामाजिक सुरक्षा पैंशन, मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री सहारा योजना, नशा निवारण, ई श्रम कार्ड, मुख्यमंत्री स्वावलंबन आदि योजनाओं का लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। नाटय दल के प्रवक्ता पवन प्रभाकर ने ई श्रम कार्ड पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि ई श्रम कार्ड निःशुल्क बनाया जा रहा है और कार्ड के माध्यम से दिहाड़ी मजदूरी करने वाले व्यक्ति या महिला का 2 लाख रुपए का बीमा जोकि बिना किसी प्रीमियम के किया जा रहा है तथा हिम केयर योजना के तहत साल भर के मात्र 1100 रुपये देकर 5 लाख रुपए तक किसी भी अस्पताल में निःशुल्क इलाज करवाया जा सकता है। इस अवसर पर लगड़ू पंचायत प्रधान लता कुमारी, उपप्रधान मिलाप चन्द, सचिव कुलदीप कुमार, वार्ड पंच वेदप्रकाश, बलवीर सिंह, शंकुन्तला देवी, सुमना, कांता, पुनी चन्द, रमेश, धर्म चन्द आदि उपस्थित रहे।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अन्तर्गत पड़ते खुंडिया बग्गी में 15 दिसम्बर को क्रिकेट चैम्पियन लीग का आयोजन किया जा रहा है। जनाकारी के अनुसार बुधवार को युवाओं के लिए क्रिकेट खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ ज्वालामुखी के पूर्व विधायक संजय रत्न द्वारा किया जाएगा। जानकारी देते हुए क्लब सदस्य आशीष राणा ने बताया कि क्षेत्र की तमाम टीम 10 दिसम्बर से 14 दिसम्बर तक अपनी रेजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 6005879883, 8580409263 पर करवा सकती है। क्लब द्वारा अधिक सूचना देते हुए बताया गया कि विजेता टीम को 31000 रुपये व रनरअप टीम को 15000 रुपया पुरुस्कार के रूप में दिया जाएगा। क्लब के सदस्य शानू, सचु का कहना है कि यह खेल प्रतियोगिता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। वहीं कहा कि खेलने से शरीर को एक नहीं बल्कि बहुत से लाभ होते हैं। खेल के माध्यम से बच्चों में शारीरिक रूप से, सामाजिक रूप से और भावनात्मक रूप से विकास होता है।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बुधवार को राज्य निर्वाचन विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश साइकलिंग एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित साइकिल रैली को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से रवाना किया। यह रैली आमजन, विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष के युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। इस रैली की टैगलाइन ‘साइकलिंग फाॅर डैमोक्रेसी एण्ड वैल बींग’ थी। रैली में महिला एवं पुरूष प्रतिभागियों ने कनिष्ठ, युवा और विशिष्ठ वर्ग के अन्तर्गत प्रतिस्पर्धा में भाग लिया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में फोटो पहचान पत्र-2022 का विशेष संशोधन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हिमाचलवासी भारत का नागरिक है और जिसने 1 जनवरी, 2022 तक 18 वर्ष या इससे अधिक की आयु पूर्ण कर ली है, उसका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाना चाहिए। राजयपाल ने कहा कि राज्य निर्वाचन विभाग मतदाता के पंजीकरण के लिए विशेष प्रयास कर रहा है और इसके लिए आज यह साइकिल रैली आयोजित की गई है। उन्होंने युवाओं से मतदाता सूची के बारे में स्वयं जागरूक होकर अपने परिजनों और आस-पास के लोगों को भी जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी युवा का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उनका नाम ऑनलाइन माध्यम से या बूथ स्तर के अधिकारियों द्वारा पंजीकृत किया जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी.पालरासू, राज्यपाल के सचिव प्रियतु मण्डल, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे। Shimla Himachal News
उपमण्डल देहरा के अन्तर्गत पड़ते बीहन निवासी पुष्पिंदर शर्मा को प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रोफेशनल कांग्रेस विभाग का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। पुष्पिंदर शर्मा को कांग्रेस द्वारा प्रदेश स्तरीय ओहदे से नवाजने के लिए स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश आलाकमान का धन्यवाद किया है। आपको बता दें कि पुष्पिंदर शर्मा देहरा कांग्रेस के बहुत ही कदावर नेता हैं। यही नहीं कांग्रेस द्वारा देहरा को बहुत बड़ी सौगात देने पर विधानसभा में सियासत ने नया मोड़ ले लिया है। बहुत से राजनीतिक समीकरण बदलते हुए नजर आ रहे हैं। पुष्पिंदर शर्मा की इस नियुक्ति के लिए देहरा कांग्रेस युवा अध्यक्ष अमित ठाकुर, इंटक जिला प्रधान स्माइल ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी का धन्यवाद किया है। कांग्रेस द्वारा उनकी इस नियुक्ति के लिए पुष्पिंदर शर्मा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, प्रोफेशनल कांग्रेस विभाग के प्रदेशाध्यक्ष डॉक्टर राजेश, पूर्व राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर का धन्यवाद किया है। वहीं इस दौरान पुष्पिंदर शर्मा ने कहा कि वह जनता हित के कार्य करेंगे साथ ही कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे। कांग्रेस पार्टी जनता की पार्टी है।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग सोलन द्वारा कार्यान्वित किए गए विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत बुधवार को हिम सांस्कृतिक दल के कलाकारों द्वारा सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेरबनेड़ा तथा मशीवर में लोगों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इसका मुख्य उदेश्य गीत-संगीत के माध्यम से ग्राम पंचायत सेनबनेड़ा, मशीवर, कक्कड़हट्टी तथा चामतभड़ेच में कल्याणकारी योजनाएं आमजन को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों से अवगत करवाना है। कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कक्कड़हट्टी तथा चामतभड़ेच में पर्वतीय लोक मंच दाड़वां के कलाकारों द्वारा गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में अवगत करवाया गया। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पैंशन योजना के अन्तर्गत वृद्ध, एकल नारी, कुष्ठ रोगी, ट्रांसजेंडर, विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। सोलन जिला में 60 से 69 वर्ष के सामाजिक सुरक्षा पैंशन धारकों की संख्या 6747 है। 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सामाजिक सुरक्षा पैंशनरों की कुल संख्या 11896 है। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के तहत बाड़बंदी के लिए किसानों को सहायता प्रदान की जा रही है ताकि किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाया जा सके। योजना के तहत 3873 किसानों ने सोलर फेसिंग कांटेदार तार द्वारा बाड़बंदी कर फसलों का संरक्षण किया है। सोलर फैसिंग लगाने के लिए 85 प्रतिशत तक उपदान प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत किसानों के खेत के चारों ओर बाड़ लगाई जाती है, जिसे सौर ऊर्जा से संचालित किया जाता है। लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कलाकारों ने बताया कि महिला सशक्तिकरण व पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कार्यान्वित की जा रही महत्वाकांक्षी हिमाचल गृहिणी सुविधा के तहत सोलन ज़िला में अभी तक 17 हजार से अधिक लाभार्थियों को गैस कनेक्शन निःशुल्क प्रदान किए गए हैं। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। Solan Himachal Pradesh News


















































