चोखणा धार में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है जिसका लगभग 90 कार्य पूरा हो चुका है तथा शीघ्र इसका लोकार्पण कर दिया जाएगा। इस योजना पर 10 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च किये जा रहे है। इस योजना से डंगार, दधोल, पडयालग, सेऊ तथा कसारू पंचायतों के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इस योजना के लिए सीर खड्ड से पानी उठाया जाएगा। इसके अतिरिक्त इस योजना के अंतर्गत चोखणा, छंदोह, छंजयार, मरयानी, पन्याली व जसवानी गांवों को भी जोड़ा जा रहा है ताकि योजना से लोगों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके। इससे लोगों को गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से भी राहत मिलेगी। कैबिनेट मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि शुद्ध व पर्याप्त जल उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। उन्होंने बताया कि इन पंचायतों के लोगों को पीने के पानी के लिए माकन खड्ड सहित अन्य पानी के स्रोतों से पेयजल योजनाएं बनाई गई थी जो गर्मियों के मौसम में सूख जाती थी। इससे लोगों को गर्मियों के मौसम में पानी की किल्लत बढ़ जाती थी। इस योजना के तहत सीर खड्ड से अलग-अलग स्थानों पर टैंको में पानी डाला जाएगा। जबकि पुराने स्रोतों से भी पानी की बहाली पहले की भांति बनी रहेगी। जिससे लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिलता रहे। उन्होंने बताया कि छंजयार गांव के पुराने तालाब का शीघ्र ही जीर्णोद्धार किया जाएगा ताकि यहां के किसानों व पशुओं के लिए पानी की सुविधा बनी रहे। उन्होंने बताया कि छंजयार में 4 लाख रुपये की राशि से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। भवन के निर्माण को पूर्ण करने के लिए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त राशि उपलब्ध करवा दी जाएगी।
प्रदेश सरकार द्वारा 8 जिला मुख्यालयों में सड़क व अन्य ढांचागत विकास परियोजना आरम्भ की जा रही है। परियोजना के अंतर्गत भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर शहर को विकसित किया जाएगा। बीते दिनों यह जानकारी उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय ने इस सम्बन्ध में 449 करोड़ रुपये की परियोजना की ड्राफ्ट रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए दी। इस हेतु हिमाचल प्रदेश सड़क व ढांचागत विकास काॅपरेशन द्वारा एलएनटी इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियरिंग कम्पनी को अधिकृत किया गया है तथा अंतिम कार्यसूची रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। कम्पनी द्वारा इस सम्बन्ध में कार्यसूची रिपोर्ट प्रस्तुत की गई जिसमें परियोजना के अंतर्गत लिए जाने वाले विभिन्न कार्यों के बारे में चर्चा की गई। बैठक में कम्पनी के अधिकारियों ने परियोजना की विस्तृत कार्यसूची के बारे में प्रस्तुति दी। बैठक में नगर निगम बिलासपुर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षद तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा इस सम्बन्ध में दिए गए सुझावों को अंतिम ड्राफ्ट रिपोर्ट में सम्मिलित किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत शहर के अंदर विभिन्न सड़कें, एम्बुलैंस रोड़, ईको पार्क रोड़, नालों का तटीयकरण, पार्किंग, मूलभूत जन सुविधाओं आदि को विकसित किया जाएगा। परियोजना में बिलासपुर शहर व एम्स में ई-बस व ई-वैन सुविधा, विद्युत व संचार के केबल के लिए डक्टिंग का प्रस्ताव, चैक के सुधार आदि को शामिल किया जाएगा। विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहनों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए नए विकास के लिए पांच प्रमुख ऑफ स्ट्रीट पार्किंग सुविधाएं प्रस्तावित हैं। परियोजना के अंतर्गत शहर में लुहणू क्रिकेट ग्राउंड के समीप, चेतना चौक के समीप, गुरुद्वारा चौक के समीप, धौलरा मंदिर के समीप नई पार्किंग विकसित की जाएगी। शहर में स्ट्रीट लाईटों के लिए पोल के स्थान पर ब्रेकिट का प्रयोग किया जाएगा जिसे लोगों की सहमति से उनके घरों में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरूद्वारा चैक, वाॅर मैमोरियल, पूर्णम माॅल, नाला का नौण सड़क आदि क्षेत्रों के साथ-साथ विभिन्न पैदल रास्तों को भी परियोजना के अंतर्गत विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना में जन सुविधाएं, अग्नि हाइड्रेंट प्वाइट, पार्क, प्ले ग्राउंड, फुट ओवर ब्रिज तथा व्यवसायिक माल डुलाई वाहनों की पार्किंग आदि को विकसित किया जाएगा।
जनजातीय क्षेत्र में विकास की गति धीमी न हो इसके लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बीत दिनों जिला किन्नौर प्रवास के दौरान किन्नौर वासियों को करोड़ो की सौगात दी। उन्होंने 77 करोड़ रुपये लागत की 31 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय ठाकुर सेन नेगी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह न केवल एक महान प्रशासक और नेता थे, बल्कि जनजातीय संस्कृति के प्रमुख संवाहक भी थे। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित संग्रहालय को और सुदृढ़ करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रशासनिक कार्य प्रणाली को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी का एक पद सृजित करने की घोषणा की। किन्नौर में शोब्रांग में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की गई है। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर का दर्जा बढ़ाकर इसे नागरिक अस्पताल करने और राजकीय उच्च पाठशाला पानवी का दर्जा बढ़ाकर इसे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करने की घोषणा की गई है। पटवार वृत्त कनम को तहसील पूह से हटाकर तहसील मुरंग के अधीन लाया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सांगला तहसील की ग्राम पंचायत सपनी में 1.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पेयजल आपूर्ति योजना सापनी के चरण 1 से 4 के संवर्धन कार्य का शुभारंभ, बटसेरी सम्पर्क सड़क पर बस्पा खड्ड पर 1.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 170 फीट लंबे बेलीपुल, शांगों गांव की सम्पर्क सड़क पर भाबा खड्ड पर 5.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 160 फीट लंबे बेली पुल, 3.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित टापरी (छोल्टू) पुनंग सड़क, 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र रूनाग, क्षेत्रीय अस्पताल रिकांपिओं में सामुदायिक सामाजिक जिम्मेवारी (सीएसआर) के अंतर्गत 92 लाख रुपये की लागत से स्थापित 250 एलएमपी क्षमता के पीएसए ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट, ग्राम पंचायत रिस्पा में 63 लाख रुपये की लागत से निर्मित पेयजल योजना स्किबा, मुरंग तहसील की ग्राम पंचायत रारंग में रारंग, खादरा स्वादेन और शिलापुर गांव के लिए 68 लाख रुपये की लागत से निर्मित पेयजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने निचार तहसील की ग्राम पंचायत रमनी में 83 लाख रुपये की लागत से पेयजल आपूर्ति योजना सोलब्रे से फ्राचीतंग के री-माॅडलिंग कार्य, एकलव्य आदर्श आवासीय पाठशाला निचार के लिए 99 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल आपूर्ति योजना, निचार एवं एकलव्य आदर्श पाठशाला निचार के लिए 11.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली मल निकासी योजना, निचार तहसील की छूटी हुई बस्ती मीरू के लिए 53 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल आपूर्ति योजना, निचार तहसील की ग्राम पंचायत बाड़ी में पेयजल आपूर्ति योजना बाड़ी के 1.47 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले री-माॅडलिंग कार्य, निचार तहसील की ग्राम पंचायत रूपी में 1.17 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना रूपी, ग्राम पंचायत रूपी में 1.23 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना गुरगुरी (मझगांव), ग्राम पंचायत मीरू में पेयजल आपूर्ति योजना चाओलिंग के 1.11 करोड़ रुपये के री-माॅडलिंग कार्य, निचार तहसील ग्राम पंचायत यांगपा में पेयजल आपूर्ति योजना भाबा घाटी के 2.38 करोड़ रुपये के री-माॅडलिंग कार्य, निचार तहसील की ग्राम पंचायत चगौन में पेयजल आपूर्ति योजना चगौन के 1.02 करोड़ रुपये के संवर्द्धन कार्य एवं एफएचटीसी के शेष घरों को पेयजल कनेक्शन प्रदान करने, कल्पा तहसील की ग्राम पंचायत खवांगी में खवांगी, उद्योग केंद्र से नीचे की ओर स्थित बस्ती और शारबो के लिए 1.68 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना, कल्पा तहसील की ग्राम पंचायत कोठी में छूटी हुई बस्ती कोठी और चुंगलिंग के लिए 1.37 करोड़ रुपये की पाईप पेयजल आपूर्ति योजना, ग्राम पंचायत किलबा में किलबा और लिंगे गांव के लिए 86 लाख रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना और सांगला तहसील की ग्राम पंचायत युला में 86 लाख रुपये की प्रवाह सिंचाई योजना रिसूरो से कुनिंदे का शिलान्यास किया। जयराम ठाकुर ने रिकांगपिओ में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सतर्कता पुलिस थाना, रिकांगपिओ में 1.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजस्व सदन, रिकांगपिओ में 1.88 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले ई.वी.एम. भंडारण गृह, भाबानगर में 7.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले स्टेडियम, पूह तहसील की ग्राम पंचायत रोपा में प्रवाह सिंचाई योजना रकेन के 74 लाख रुपये के री-माॅडलिंग कार्य, पूह तहसील में 94 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अकपा उप-मंडल के सहायक अभियन्ता कार्यालय एवं आवास, मुरंग तहसील की ग्राम पंचायत चारंग में 86 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली प्रवाह सिंचाई योजना निचला बेबग्या, रिकांगपिओ में 6.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सीए स्टोर तथा ग्याबोंग में 14.51 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पैकिंग एवं ग्रेडिंग गृह की भी आधारशिला रखी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय अस्पताल, रिकांगपिओ में दो पीएसए 250 एलपीएम ऑक्सीजन संयंत्रों का लोकार्पण भी किया।
पिछले छह वर्ष से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित अमनदीप, अपने इलाज व डायलिसिस के खर्च के लिए हमेशा चिंतित रहते थे। छोटी सी दुकान चलाने वाले अमनदीप के घर में इलाज का खर्च हमेशा चर्चा विषय बनता था क्योंकि प्राइवेट अस्पताल का खर्च जेब पर भारी पड़ता था। इसी पशोपेश के बीच दो साल पहले अमनदीप को हिमाचल प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना की जानकारी मिली। आसानी से उन्होंने अपने परिवार का कार्ड बनाया और अब वह क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में आकर फ्री डायलिसिस करवा रहे हैं। अमनदीप ने कहा कि हम गरीबों के लिए हिमकेयर जैसी योजना सही मायनों में संजीवनी का काम कर रही है, जिसमें इलाज का खर्च सरकार देती है। हिमकेयर का कार्ड बनवाकर इलाज के लिए पैसों की चिंता खत्म हो गई है। अब हफ्ते में दो बार डायलिसिस फ्री में होता है और दवाई भी निशुल्क मिलती है। अमनदीप की ही तरह जिला ऊना में हजारों गरीब परिवारों के लिए हिमकेयर योजना वरदान बन गई है। बीपीएल परिवारों के लिए कोई प्रीमियम नहीं हिमकेयर योजना के बारे में उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत अस्पताल में भर्ती होने पर 5 लाख रूपए के निःशुल्क इलाज की सुविधा का प्रावधान है। इस योजना के अंतर्गत प्रीमियम की दरें विभिन्न श्रेणियों के आधार पर तय की गई है। उन्होंने बताया कि गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) और पंजीकृत रेहड़ी फड़ी वालों से प्रीमियम नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त एकल नारी, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग, 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता, मिड डे-मील वर्कर, दिहाड़ीदार (सरकारी, स्वायत संस्थानों, सोसाइटी, बोर्ड एवं निगम के कर्मचारी), अंशकालिक कार्यकर्ता (सरकारी, स्वायत संस्थानों, सोसाइटी, बोर्ड एवं निगम के कर्मचारी) संस्थानों, एवं अनुबंध कर्मचारी से केवल 365 रूपए और इनके अतिरिक्त जो व्यक्ति नियमित सरकारी कर्मचारी या सेवानिवृत कर्मचारी नहीं हैं, वे 1000 रूपए देकर योजना के अंतर्गत कार्ड बनवा सकते हैं। योजना में सभी तरह की आम बीमारियों को शामिल किया गया है, जिसमें लगभग 1800 उपचार प्रक्रियाएं हैं, जिसकी शुरुआत 1 जनवरी 2019 को हुई थी। एक जनवरी 2022 से फिर शुरू होगा पंजीकरण सीएमओ ऊना डॉ. रमण कुमार शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की हेल्थ केयर योजना हिमकेयर के कार्ड का पंजीकरण पहली जनवरी, 2022 से दोबारा शुरू होने जा रहा है, जो 31 मार्च तक चलेगा। उन्होंने सभी से इस योजना के लाभ उठाने की अपील की है। सीएमओ ने कहा कि लाभार्थी विभाग की वेबसाइट पर जाकर भी स्वयं पंजीकरण-नवीनीकरण कर सकते हैं। 13,897 मरीजों को मिला नया जीवन योजना के बारे में छठे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि हिमकेयर योजना के तहत जिला ऊना में अब तक 38,831 परिवारों का पंजीकरण किया गया है। इनमें से 13,897 मरीजों का इलाज सरकार ने अपने खर्च पर कर उन्हें नया जीवन दिया है, जिस पर 7.86 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। सत्ती ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमकेयर योजना के माध्यम से गरीब व बीमार व्यक्ति को निशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान की है, ताकि धन के अभाव को कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे। इस योजना से न सिर्फ जिला ऊना के बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के मरीज़ लाभ उठाकर अपना फ्री इलाज करा रहे हैं।
भाजपा में अपने पद से इस्तीफा देने पर कृपाल परमार ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है। कृपाल परमार का कहना है कि पिछले 4 साल से लगातार पार्टी व सरकार द्वारा अनदेखा व प्रताड़ित किया जा रहा था जिसकी वजह से वह पूरी तरह आहत थे। इसकी शिकायत हाईकमान से भी की गई है। कृपाल परमार का ये भी कहना है कि वह पार्टी के सच्चे सिपाही हैं और पार्टी छोड़ कर कभी नहीं जाएंगे। सरकार व संगठन की प्रताड़ना से परेशान होकर ही उन्हें अपना इस्तीफा देना पड़ा। पार्टी में जलालत कुछ इस कदर बढ़ गई थी कि पद छोड़ना ही उचित समझा। कृपाल का कहना है कि प्रदेश में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र हो रहा है और षड्यंत्र रच कर ही वरिष्ठ नेताओं को जलील करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं को नजर अंदाज करने की परंपरा शुरू हो गई है जो बहुत गलत है। कृपाल परमार का कहना है कि पार्टी में इस बारे में बोला जाता है तो कोई भी सुनता नहीं है। अंत में पद से इस्तीफा देना ही एक तरीका बच जाता है। अब न मुख्यमंत्री सुनते हैं, न ही संगठन मंत्री हमारी बात सुनते हैं और न ही प्रदेश में कोई और। उपचुनाव में टिकट आबंटन को लेकर कृपाल परमार ने संगठन व सरकार का भी घेराव किया है। परमार का कहना है कि सरकार व संगठन ने वोग्स सर्वे करके पार्टी हाईकमान को गलत सूचना दी, जिसके चलते पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे नेताओं की ड्यूटी उपचुनाव में लगा दी जिन्होंने पार्टी को नुक्सान पहुंचाया। हार के कारणों की जांच की जिम्मेदारी ऐसे लोगों को दे दी जो खुद हार का कारण थे। जो नेता खुद चुनाव के प्रभारी थे वे अपनी गलती हाईकमान को कहां बताएंगे। अपराधी को ही जांच का जिम्मा दे दिया जाएगा तो चोर कैसे पकड़ा जाएगा।
प्रदेश की राजनीति गरमाई हुई है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज़ी से चल रहा है। प्रदेश के हर नेता बेबाकी से अपना विचार व्यक्त कर रहे है। ऐसे में शिमला ग्रामीण विधायक विक्रमादित्य सिंह भी लगातार सरकर को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे है। हाल ही में विधायक विक्रमादित्य सिंह ने उपचुनाव में बीजेपी की हुई हार को लेकर सरकार पर तंज कसा है। विक्रमादित्य सिंह का कहना है कि प्रदेश में उपचुनाव के बाद सरकार की आंख और कान खुलने शुरू हो गए हैं। उनका कहना है कि प्रदेश में भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और अगले साल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। विक्रमादित्य सिंह का कहना है कि उपचुनाव परिणाम से साफ है कि प्रदेश में लोग भाजपा की नीतियों से परेशान हैं। बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी चिंता की बात है। सरकार ने किसी भी वर्ग के लिए कोई भी राहत नहीं दी है। विक्रमादित्य सिंह का कहना है कि केंद्र सरकार ने किसानों के संघर्ष के बाद मजबूरी में कृषि कानून वापस लेने का निर्णय लिया है। यह जीत किसानों की है।
किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने जयराम सरकार पर आरोप लगाए है। जगत सिंह नेगी का कहना है कि जयराम सरकार द्वारा पिछले चार सालों में प्रदेश में ऐसा कोई भी कार्य नहीं किया गया है जिससे कि प्रदेश के लोग इस सरकार को याद करे। जगत सिंह नेगी का कहना है कि इससे पहले जो भी प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं उनको लोग कुछ अच्छे कार्यों के लिए याद करते हैं और ये एक ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने प्रदेश के साथ साथ जनजातीय क्षेत्र के विकास के लिए कुछ भी कार्य नहीं किया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का नाम काले अक्षरों में लिखा जाएगा, उन्होंने जब भी किन्नौर जिले का दौरा किया तो वो हेलीकाॅप्टर से किया। ऐसे में उन्हें हेलीकाॅप्टर वाले मुख्यमंत्री के नाम से जाना जाएगा। ये भी एक रिकॉर्ड रहेगा कि ये पहले एक ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो सड़क के रास्ते से जनजातीय क्षेत्रों में नहीं आए हैं। ऐसे मुख्यमंत्री जनजातीय क्षेत्रों का क्या विकास करेंगे जिनके पास जनजातीय क्षेत्र के लोगों के लिए समय ही नहीं है।
हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव के बाद से ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई है। आने वाले 2022 के चुनाव भी नजदीक है और विपक्ष लगातार सरकार का घेराव कर रही है। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर डलहौजी से कांग्रेस विधायक आशा कुमारी भाजपा सरकार पर खूब हमला बोला है। आशा कुमारी का कहना है कि उपचुनाव में हिमाचल प्रदेश की चार सीटों पर कांग्रेस को जीत मिलने से भाजपा को पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने पड़े हैं। इसका मतलब है कि भाजपा जानबूझकर लोगों को परेशान कर रही है। आशा कुमारी का कहना है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। आशा कुमारी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा है। आशा कुमारी का कहना है कि कांग्रेस पार्टी में सीएम कौन होगा, यह पार्टी हाईकमान तय करेगा। अगर कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री बनने की बात हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की ओर से कर रहा है तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा को किस बात की चिंता हो रही है। मुख्यमंत्री अपने कुनबे को संभाले जो बिखरा पड़ा है। आशा कुमारी का कहना है कि जो योजनाएं स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने चलाई थी, उनके शिलान्यास और उद्घाटन करने के बाद प्रदेश सरकार उन योजनाओं को अपनी योजनाएं गिना रहे हैं, जो अपने आप में शर्मनाक है। आशा कुमारी का कहना है कि 2022 में प्रचंड बहुमत के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी यह तय हो गया है। साथ ही उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री के सपने देखने वाले लोग पार्टी के ही हैं और पार्टी की नीति, नीयत और विचारधारा साफ है। आशा कुमारी ने मुख्यमंत्री को अपने बिखरे कुनबे को संभालने की नसीहत भी दी है।
मंडी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगातार प्रचार में जुटे हुए थे। अब उपचुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने सिर ले ली है। सीएम का कहना है कि मंडी उपचुनाव में जीत-हार का अब तक का सबसे कम एक प्रतिशत का अंतर रहा है। ज्यादा दुख इस बात का है कि मंजिल तक पहुंचकर हार हो गई। विकास के जो काम बड़े स्तर पर मंडी संसदीय क्षेत्र के हर विधानसभा क्षेत्र में किए गए थे, उस पर ज्यादा फोकस नहीं हो पाया। मंडी हमारी है हमारी रहेगी को लेकर उनका मत पूरे संसदीय क्षेत्र से था, इसका कांग्रेस ने गलत प्रचार किया। सीएम का कहना है कि मंडी चुनाव सहानुभूति के कारण हारा है। कांग्रेस ने श्रद्धांजलि के नाम पर वोट मांगे, मगर हर बार श्रद्धांजलि का कार्ड नहीं चलेगा। साथ ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है कि सराज में अपेक्षा से कम वोट मिले हैं। नोटा, कम वोटिंग और वामपंथियों का 25 हजार वोट एक मुश्त कांग्रेस को चला जाना भी बड़ा कारण बना। महंगाई भी बड़ा कारण रहा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है कि यह परिणाम किसी भी सूरत में विधानसभा चुनाव 2022 को प्रभावित नहीं करेगा। आगामी 2022 को लेकर अभी हमारे पास समय है और निश्चित तौर पर 2022 में हम सरकार बनाने के उस आंकड़े को फिर से पार करेंगे।
प्रदेश में उपचुनाव में मिली जीत के बाद मुकेश अग्निहोत्री सरकार पर जमकर निशाना साध रहे है। मुकेश अग्निहोत्री का कहना है कि राज्य सरकार की कांगड़ा में कोई दिलचस्पी नहीं है और इस सरकार में कांगड़ा उपेक्षा का शिकार हुआ है। विकास का कोई भी बड़ा कार्य प्रदेश में नहीं हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा है कि वह प्रदेश में उनके कार्यकाल में हुए कोई चार बड़े कार्य बता दें। महंगाई चरम सीमा पर है। सरकारी कर्मचारियों से संबंधित करुणामूलक आधार पर नौकरियां, पुरानी पेंशन बहाली के अलावा आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए पॉलिसी बनाने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर सरकार विफल रही है। कांग्रेस सरकार इन मुद्दों पर काम करेगी। मुकेश अग्निहोत्री का कहना है कि प्रदेश सरकार का डबल इंजन अब हांफ चुका है और यह अब रिपेयर के काबिल भी नहीं बचा है। उनका कहना है की जनता ने उपचुनावों में चारों सीटें कांग्रेस की झोली में डाल दी हैं। जयराम सरकार से अब लोग तंग आ चुके हैं। पहले टीके ने ही पेट्रोल-डीजल सस्ता कर दिया नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहाेत्री का कहना है कि सेमीफाइनल हारने वाली टीम फाइनल में नहीं पहुंच सकती ताे भाजपा फाइनल कैसे जीत सकती है। उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी की बंपर जीत के बाद अब भाजपा का जाना तय है। मुकेश अग्निहोत्री का कहना है कि कई दिनाें से हार पर मंथन के नाम बौखलाए प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रतिदिन नई बात रख रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि कांग्रेस के पहले टीके ने ही पेट्रोल-डीजल सस्ता कर दिया है। अब दूसरा टीका लगते ही 2022 विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने का भाजपाई अहंकार भी टूट जाएगा। चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था की चरमराई हालत पर भी मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार को आड़े हाथो लिया है। मुकेश अग्निहोत्री का कहना है कि टांडा में 10 माह व हमीरपुर जिला में सवा साल से सीटी-स्कैन मशीन खराब है। चिकित्सालयाें में चिकित्सक तैनात नहीं किए जा रहे हैं। शिमला में कांग्रेस कार्यकाल की 400 कराेड़ की परियाेजना प्रभावित हैं। मनरेगा मजदूर दिहाड़ी को तरस रहे हैं। 15वें वेतन आयोग का पैसा नहीं मिल रहा है, इसे प्रधान व सचिव के डिजिटेल हस्ताक्षर के नाम पर राेका गया है। प्रदेश में बेरोजगारी 14.1 प्रतिशत पहुंच चुकी है और हिमाचल देशभर में बेरोजगारी के मामले में पांचवें स्थान पर है। चोर दरवाजे से भर्तियां जारी करके युवाओं का हक छीना जा रहा है।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हर घर तक महासंपर्क अभियान चलाने का फैसला भी लिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने कई काम किए हैं। इन्हें जनता तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ता का था, लेकिन इसमें ही सफलता नहीं मिल सकी है। अब इसके लिए हर घर में दस्तक देने की मुहिम चलाई जाएगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा है कि उपचुनाव हारने का कारण अति आत्मविश्वास व कांग्रेस का संवेदनाओं का सहारा लेना रहा है। किन्तु उपचुनाव का नतीजा भाजपा के लिए आंखें खोलने वाला है।इससे हमें लाभ हुआ है, और इस हार से सीखकर अब पार्टी 2022 की तैयारी करेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पन्ना कमेटी बनाई जा रही है जिसका 80 फीसद काम पूरा हो चुका है, दिसंबर तक इसका 100 फीसद काम पूरा कर लिया जाएगा। सुरेश कश्यप ने कहा कि 27 दिसंबर को प्रदेश सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल आ सकते हैं। उनका दौरा तय होने के बाद स्थान तय किया जाएगा। सुरेश कश्यप ने कहा कि सरकार व संगठन दोनों ही समन्वय के साथ काम करते रहेंगे। संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने की दृष्टि से भाजपा ने प्रदेश में विस्तारक योजना चलाकर कार्यकर्ताओं के डाटा को डिजिटल किया जा रहा है। पार्टी अपनी कमियों को दूर कर मिशन रिपीट के लिए प्रतिबद्ध है। सुरेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। कई संस्थान प्रदेश में खुले हैं। गृहिणी सुविधा योजना के तहत महिलाओं को धुएं से निजात दिलाई है। जनमंच कार्यक्रम के तहत लोगों की अधिकतर समस्याओं का मौके पर निपटारा कर कार्यालयों के चक्कर काटने में राहत प्रदान की है। पार्टी के कार्यकर्ता अब घर -घर जाकर सरकार की उपलब्धियों से आमजन को अवगत करवाएंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से हिमालच प्रदेश शिक्षक महासंघ के एक प्रतिनिधिमण्डल ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेन्द्र कपूर की अध्यक्षता में भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमण्डल ने शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर से भी भेंट की।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए आज जीवनशैली में बदलाव आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में बहुत से गंभीर रोग जीवन शैली की विकृति के कारण हो रहे हैं, जिनसे सही जीवनशैली व खान-पान के जरिए ही बचा जा सकता है। यह बात राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज ऊना में आयोजित आरोग्य भारती संस्था के प्रांत अधिवेशन में कही। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पाए जाने वाले औषधीय पौधों का दस्तावेजीकरण आवश्यक है, ताकि लोगों को उन औषधीय पौधों के उपयोग के बारे में जानकारी मिल सके और यह ज्ञान घर-घर तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि बच्चों के ज्ञानवर्धन के लिए स्कूलों में औषधीय पौधों की वाटिकाओं का निर्माण होना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ी भी इन सेे अवगत हो सके। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने ऐसे अनेक पौधे प्रदान किए हैं, जिनकी उपचार में उपयोगिता होती है। औषधीय पौधों की वाटिकाओं से आने वाली पीढ़ी को इन पौधों के बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी। इन सभी कार्यों से आयुर्वेद तथा औषधीय पौधों के प्रति समाज के नजरिये में बदलाव आएगा। आरोग्य भारती के कार्यों की सराहना करते हुए राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उम्मीद जताई की संस्था के प्रांत अधिवेशन में मनुष्य की दीर्घ आयु के साथ-साथ स्वस्थ जीवन पर सकारात्मक चर्चा होगी, जिसके निष्कर्ष समाज को लाभान्वित करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ बने इसके लिए भी सभी को प्रयास करने चाहिए क्योंकि यह देश के भविष्य का सवाल है तथा देश का भविष्य वर्तमान पर निर्भर करता है। राज्यपाल ने कहा कि बीमारी के इलाज से अधिक बचाव पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक उपायों को अपनाकर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बाद लोगों में आयुर्वेद व योग के प्रति रूचि बढ़ी है। कार्यक्रम में आरोग्य भारती संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. राकेश पंडित ने आरोग्य भारती संस्था के कार्यों की जानकारी प्रस्तुत करते हुए कहा कि मनुष्य के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण को बेहतर बनाना ही आरोग्य भारती के गठन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, एलोपेथी, होम्योपेथी जैसी सभी चिकित्सा पद्धतियों को एक साथ लाकर एक नई चिकित्सा प्रणाली शुरू करने की आवश्यकता है, ताकि मनुष्य को आवश्यकतानुसार उपचार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस दिशा में आगे बढ़कर काम कर रही है। केंद्र सरकार वर्ष 2030 तक नीति आयोग के माध्यम से नया हेल्थकेयर सिस्टम लाने के लिए प्रयास कर रही है, जिस पर बढ़-चढ़ कर कार्य किया जा रहा है। इससे पूर्व आरोग्य भारती अध्यक्ष ऊना डाॅ. रितेश सोनी ने राज्यपाल का कार्यक्रम में स्वागत किया। प्रांत अधिवेशन में विभिन्न चिकित्सा पद्धति पर विभिन्न वक्ताओं ने अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल ने अग्निहोत्र यज्ञ के साथ की। इस अवसर पर राज्यपाल ने पपरोला आयुर्वेदिक काॅलेज की प्रोफेसर डाॅ. सोनी कपिल की किताब आयुर्वेद प्रसूति तंत्र का विमोचन भी किया। छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. अमित कुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
राज्य सरकार प्रदेश के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। हिमाचल के छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं लागू की गई हैं। राज्य सरकार द्वारा 12वीं कक्षा के पश्चात राष्ट्र स्तरीय प्रतिस्पर्धा परीक्षाओं के लिए कोचिंग उपलब्ध करवाने हेतू मेधावी विद्यार्थियों के लिए मेधा प्रोत्साहन योजना क्रियान्वित की जा रही है। इसी क्रम में छोटी उम्र में प्रतिभा को चिन्हित कर उभारने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय पाठशाला के विद्यार्थियों के लिए एक नई हिमाचल प्रदेश स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट छात्रवृत्ति योजना लागू की जा रही है। इस योजना के अन्तर्गत राजकीय विद्यालय के छठी से आठवीं कक्षा के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति उपलब्ध करवाई जा रही है। इस योजना के तहत लाभार्थियों का चयन एससीईआरटी सोलन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को कक्षा छठी में चार हजार रुपये प्रतिमाह, कक्षा सातवीं में पांच हजार रुपये प्रतिमाह तथा कक्षा आठवीं में छः हजार रुपये प्रतिमाह की दर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा में राज्य भर में अधिकतम अंक प्राप्त करने वाले शीर्ष 100 विद्यार्थियों को, विभिन्न जिलों की औसत छात्र के आधार पर जिलावार आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। योजना के तहत जिला बिलासपुर के पांच लाभार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिला चम्बा के 12 विद्यार्थियों, जिला हमीरपुर के पांच विद्यार्थियों, जिला कांगड़ा के 14 विद्यार्थियों, जिला किन्नौर के एक विद्यार्थी, जिला कुल्लू के आठ विद्यार्थियों, जिला लाहौल-स्पीति के एक विद्यार्थी, जिला मंडी के 14 विद्यार्थियों, जिला ऊना के सात विद्यार्थियों तथा जिला शिमला, सिरमौर व सोलन प्रत्येक के 11-11 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस योजना के तहत छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए चयनित विद्यार्थी को निरंतर तीन वर्षों तक कक्षा आठवीं तक सरकारी पाठशाला में ही अध्ययनरत रहना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त संबंधित शैक्षणिक स्तर में उसे पाठशाला में कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति भी सुनिश्चित करनी होगी। केवल गंभीर चिकित्सीय कारणों की स्थिति में ही इस शर्त में छूट प्रदान की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश वित्त और लेखा सेवा ने अपना स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर सचिव वित्त एवं योजना अक्षय सूद, विशेष सचिव वित्त राकेश कंवर और निदेशक कोष लेखा एवं लाॅटरीज विभाग अमरजीत सिंह भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्य के विकास और प्रगति में इस सेवा के अधिकारियों के योगदान और विशेष रूप से संबंधित विभागों में वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने में उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वित्त एवं लेखा सेवा के अधिकारी विभिन्न कार्यों में पारदर्शिता लाने के साथ-साथ प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों से और दृढ़ता और समर्पण भाव से कार्य करने का आग्रह किया। वित्त और लेखा सेवाएं वर्ष 1971 में अस्तित्व में आईं और राज्य में अपनी सेवाओं के योगदान के माध्यम से अपनी शानदार यात्रा के 50 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किए। संघ के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेने के लिए अपना बहुमूल्य समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने वित्त एवं लेखा सेवा के वर्ष 2020-2021 के सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त अधिकारियों संवर्ग में सेवा करते हुए अपने अनुभव भी सांझा किए। स्वर्ण जयंती समारोह के बाद एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी चुनी गई। राजेश शर्मा नियंत्रक को अध्यक्ष, श्रवण कुमार नेगी उप नियंत्रक को मुख्य सलाहकार, बलबीर कुमार उप नियंत्रक को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राकेश कुमार सिंह उपनियंत्रक को उपाध्यक्ष मुख्यालय, प्रवीण शर्मा उप नियंत्रक को उपाध्यक्ष , भारत भूषण, सहायक नियंत्रक को महासचिव, कर्म चंद वर्मा सहायक नियंत्रक को संयुक्त सचिव-1, नरेश कुमार सहायक नियंत्रक को संयुक्त सचिव-2, विनोद कुमार गौतम अनुभाग अधिकारी को कोषाध्यक्ष, राकेश वर्मा अनुभाग अधिकारी को सहायक कोषाध्यक्ष, प्रणव नेगी सहायक नियंत्रक को आयोजन सचिव, संदीप शर्मा सहायक नियंत्रक को प्रेस सचिव, रमन कुमार सांजटा अनुभाग अधिकारी को कार्यकारी सदस्य और विनोद शर्मा अनुभाग अधिकारी को कार्यकारी सदस्य चुना गया।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेका और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर माता चिंतपूर्णी की संध्या आरती में भी शामिल हुए और मां का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि माता चिंतपूर्णी मंदिर में करोड़ों भक्तों की आस्था है तथा यहां विश्व भर से श्रद्धालु मां के दर्शन करने के लिए आते हैं। राज्यपाल ने श्रद्धालुओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि प्रदेश सरकार चिंतपूर्णी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का निरंतर विस्तार कर रही है। अतिरिक्त उपायुक्त ऊना डाॅ.अमित कुमार शर्मा ने इस अवसर पर राज्यपाल को माता चिंतपूर्णी की चुनरी तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया। इससे पूर्व राज्यपाल ने चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और यहां ट्रेन से मां चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। राज्यपाल ने कहा कि चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के लिए अच्छी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं तथा प्रदेश सरकार सुविधाएं बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे स्टेशन से चिंतपूर्णी मंदिर के लिए एक सड़क का निर्माण प्रस्तावित है, जिस पर कुछ कार्य होना बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस सड़क के निर्माण के लिए प्रयासरत है, जिससे चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे स्टेशन से चिंतपूर्णी मंदिर की दूरी 12 किमी रह जाएगी। राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द इस प्रस्तावित सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा, जिससे श्रद्धालु लाभान्वित होंगे। राज्यपाल ने चिंतपूर्णी में अपने पारिवारिक मित्र मलकीयत सिंह से भी घर जाकर मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर विधायक चिंतपूर्णी बलबीर सिंह, उप-मंडलाधिकारी मनेश कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज अन्तरराष्ट्रीय फि ल्म फेस्टिवल, शिमला के पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार भाषा, कला एवं संस्कृति के संरक्षण पर निरन्तर बल दे रही है और इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए फिल्में श्रेष्ठ विकल्पों में एक हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी फिल्म नीति तैयार की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश में फिल्म सिटी स्थापित करने के लिए 100 करोड़ रुपये का समझौता ज्ञापन तैयार किया है ताकि फिल्म निर्माताओं को उनकी फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके। फिल्म सिटी की स्थापना से देश व विश्व के फिल्म निर्माता प्रदेश में ही पूरी फिल्म की शूटिंग तथा निर्माण कर सकेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के खूबसूरत स्थानों तथा प्राकृतिक सौन्दर्य के फलस्वरूप देश तथा विदेश के अनेक फिल्म निर्माताओं ने हिमाचल प्रदेश में अपनी फिल्मों की शूटिंग की है लेकिन हिमाचल प्रदेश अपना फिल्म उद्योग विकसित नहीं कर पाया। उन्होंने आशा जताई कि ऐसे फिल्म फेस्टिवल प्रदेश के फिल्म निर्माताओं को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ने में अवश्य प्रेरित करंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला फिल्म फेस्टिवल जैसे आयेाजन प्रदेश में फिल्म निर्माण से संबंधित सकारात्मक वातावरण सृजित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश सरकार ऐसे आयोजनों को आयोजित करने के लिए सम्पूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने हर्ष व्यक्त किया कि फिल्म फेस्टिवल के दौरान माॅडल सेन्ट्रल जेल कंडा के बंदियों के लिए भी एक विशेष फिल्म प्रदर्शित की गई। जयराम ठाकुर ने फिल्म फेस्टिवल के प्रतिभागियों, आयोजक हिमालयन विलोसिटी, भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग, फिल्म निर्देशकों, निर्माताओं तथा कलाकारों को अन्तरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के सातवें संस्करण को सफल बनाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग के लिए निर्माताओं को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस अवसर पर श्रेष्ठ फिल्मों, लघु फिल्मों तथा वृत्तचित्र को पुरस्कार भी प्रदान किए। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शिमला शहर भारतीय सिनेमा के आरम्भ से फिल्म निर्माताओं की प्रथम पंसद है। भारतीय सिनेमा देश के समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को सुदृढ़ करने के लिए श्रेष्ठ विकल्पों में से एक है। भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डाॅ. पंकज ललित ने कहा कि इस तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल के दौरान 16 देशों की फिल्में प्रदर्शित की जाएगी। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक विजय ने कहा कि फिल्म निर्माताओं के लिए हिमाचल प्रदेश हमेशा ही पसंदीदा गंतव्य रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण फिल्म उद्योग पर विपरीत प्रभाव पड़ा था और अब सिनेमा जगत ने पुनः कार्य आरम्भ कर दिया है। भारतीय सिनेमा अब पुनः गतिविधियों का केन्द्र बन रहा है। 7वें शिमला अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के फेस्टिवल निर्देशक पुष्प राज ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि तीन दिवसीय फेस्टिवल के दौरान अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की 58 फिल्में प्रदर्शित की गईं, जिसमें से 6 फिल्में हिमाचल प्रदेश से थीं। नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल, सचिव भाषा कला एवं संस्कृति अकादमी डाॅ. कर्म सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
शिमला के चौपाल की तहसील कुपवी के दुरदराज पंचायत घारचांदना के गांव शराड में चार मकान जलकर राख हो गए है। सूचना के अनुसार इस आगजनी से कोई भी जानी नुकसान नही हुआ है। जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे के करीब पहले दुला राम के मकान में आग लगनी शुरू हुई थी, जिसके चलते साथ में बने अन्य मकान भी आग की चपेट में आ गए। सभी मकान काफी पुराने बताए जा रहें हैं। पुलिस व अग्निशमन दल रात को ही मौके पर पहुंच गए थे। लेकिन जब तक चौपाल से अग्निशमन दल घारचांदना पहुंचा तब तक सभी मकान लगभग जल कर नष्ट हो गए थे। इस आगजनी की घटना में लाखों रूपयों का नुक़सान हुआ है। फिलहाल आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में एक दिसंबर को बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के अन्य भागों में 30 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। उधर, रविवार को केलांग का न्यूनतम तापमान-4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य तक पहुंच गया है। इससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लाहौल-स्पीति जिले में पानी के स्रोत जमने लगे हैं। वहीं, रविवार को राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी रही।
शिमला :प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के साथ हुई संयुक्त सलाहकार समिति जेसीसी की बैठक में प्रदेश के कर्मचारिओं व पेंशनरों को कोविड जैसी महामारी से प्रदेश की आर्थिक स्थिति को ध्वस्त होने के बावजूद 7500करोड़ रुपये के वित्तिय लाभ देकर प्रदेश की सरकार ने इतिहास रच दिया। प्रदेश के कर्मचारिओं व पेंशनरों को इस सौगात के लिए जिला सोलन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करता है। जिला शिमला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष गोपाल झीलटl, जिला महासचिव विनोद शर्मा ने संयुक्त ब्यान में कहा है कि 1 जनवारी 2016 से दिए पंजाब के छटे वेतन आयोग को प्रदेश में 1 जनवरी 2022 से लागू करना, अनुबंध कार्यकाल 3वर्ष से घटा कर 2 वर्ष करने, केंद्र की 2009 कि न्यू पेंशन योजना के अंतर्गत अपंगता व पारिवारिक पेंशन को लागू करना, दैनिक वेतन भगीयो का एक वर्ष का कार्यकाल कम करना, चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए 10 करोड़ की राशि जारी एनपीएस कर्मचारी की पेंशन निधि चुनने की स्वतंत्रता और भी कई लाभ इस जेसीसी में दिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने घोषणाएं की है। हालांकि बहुत सी मांगो पर कमेटी गठन की घोषणा की गई है कुछ अन्य मांगो पर विभागीय स्तर पर कार्य जारी है जिसका निपटारा शीघ्र किया जायेगा। राजधानी भत्ता, सीए, एचआरए पर नए वेतनमान लागू होने पर निर्णय लिया जायेगा इसके लिए अभी इंतजार करना होगा। गोपाल झीलटl और विनोद शर्मा ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कर्मचारी हितैषी है इसका अंदाजा जेसीसी बैठक में कोविड काल मे फ्रंटलाइन वर्कर व कोविड में जुटे कर्मचारिओं व जेसीसी बैठक अपरिहार्य कारणों से बिलम्भ से होने पर कर्मचारिओं ने धैर्य रखा व सहयोग के लिए प्रदेश के कर्मचारिओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा है कि सत्ता परिवर्तन पर कर्मचारिओं को स्थान्तरण कर प्रताड़ित किया जाता रहा है किंतु वर्तमान सरकार ने किसी भी कर्मचारी नेता को प्रताड़ित नही किया ।
जुब्बल-नावर-कोटखाई में विकास के ठप्प पड़े कार्य को गति दी जाएगी। यह बात जुब्बल-नावर-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने नावर की खारला, धराड़ा और पुजारली न० 4 पंचायतों में आयोजित जन आभार कार्यक्रम के दौरान जनसम्बोधन में कही। रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई की प्रबुद्ध जनता परिपक्वता के लिए पूरे हिमाचल में अलग पहचान रखती हैं। उन्होंने खारला, धराड़ा और पुजारली न० 4 की जनता का उप चुनाव में आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद किया। रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस कार्यकाल में नावर क्षेत्र की हर पंचायत में बाग़वानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है।उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल (2012-17) में नावर क्षेत्र के पुजारली नं 4 मे 22 KVA विद्युत नियंत्रण केंद्र, सिंचाई योजनाओं के लिए लगभग ₹20 करोड़ और विभिन्न सड़कों के निर्माण के लिए ₹52 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया। उन्होंने कहा कि टुटूपानी में ₹6.69 करोड़ की लागत से सेब ग्रेडिंग व पैकेजिंग केंद्र का निर्माण पूर्व कांग्रेस कार्यकाल में विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित ₹1134 करोड़ के बाग़वानी विकास प्रोजेक्ट के तहत हो रहा हैं जिसके निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी । उन्होंने कहा कि कांग्रेस समग्र और एक समान दृष्टिकोण के साथ विकास करवाने के लिए वचनबद्ध हैं। सड़कों के निर्माण के लिए गत्त चार वर्षों से लम्बित पड़ी डीपीआर को स्वीकृति प्रदान करने और कछुआ चाल से चले हुए सड़को के कार्य को गति प्रदान की जाएगी। रोहित ठाकुर ने कहा सेमीफ़ाइनल में जनता ने भाजपा को कड़ी शिकस्त देकर साफ़ संदेश दे दिया हैं कि 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापिसी करेंगी। रोहित ठाकुर ने आभार व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी की जीत को सभी कार्यकर्ता के संघर्ष और परिश्रम फल बताया। विधायक रोहित ठाकुर ने जनता की सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत सहित अनेक समस्याओं को सुना और सम्बंधित विभाग के चर्चा कर जल्द ही सुलझाने का आश्वासन दिया। जन आभार कार्यक्रम के दौरान खारला पंचायत के प्रधान बलबीर द्रागटा, उप प्रधान राजीव धारटा, धराड़ा पंचायत की प्रधान गीता जरेट, उप प्रधान सतीश राठौर, पुजारली न०4 से बीडीसी सदस्या ज्ञानपति भी मौजूद रहीं।
शिमला: सीटू से सबन्धित हिमाचल प्रदेश मनरेगा व निर्माण मज़दूर फेडरेशन अपनी मांगों को लेकर दो दिसम्बर को प्रदेशव्यापी हड़ताल करेगी। इस दिन प्रदेशभर में निर्माणाधीन बिजली परियोजनाओं, फोरलेन, दीपक प्रोजेक्ट,मनरेगा व निर्माण क्षेत्र के हज़ारों मजदूर हड़ताल करके काम ठप्प करेंगे। इस दौरान यूनियन शिमला में श्रमिक कल्याण बोर्ड कार्यालय खलीनी में विशाल रैली करेगी जिसमें प्रदेशभर से हज़ारों मनरेगा व निर्माण कर्मी भाग लेंगे। सीटू ने चेताया है कि अगर प्रदेश सरकार व श्रमिक कल्याण बोर्ड ने मजदूरों की मांगों को पूर्ण न किया तो आंदोलन तेज होगा। सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, महासचिव प्रेम गौतम, यूनियन अध्यक्ष जोगिंदर कुमार व महासचिव भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि केंद्र व प्रदेश सरकारें लगातार मज़दूर विरोधी नीतियां लागू कर रही हैं। मजदूर विरोधी चार लेबर कोडों को निरस्त करना भी इसी का एक हिस्सा है। चार लेबर कोडों में निरस्त किये जाने वाले कानूनों में वर्ष 1996 में बना भवन एवम अन्य सन्निर्माण कामगार कानून भी शामिल है। इस कानून के खत्म होने से देश के करोड़ों मनरेगा व निर्माण मजदूर सामाजिक सुरक्षा के दायरे से बाहर हो जाएंगे व श्रमिक कल्याण बोर्डों के अस्तित्व पर खतरा मंडराएगा। केंद्र व प्रदेश सरकार पहले ही मार्च 2021 में श्रमिक कल्याण बोर्डों के तहत मनरेगा व निर्माण मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं में भारी कटौती कर दी गयी है। इसमें वाशिंग मशीन,सोलर लैम्प,इंडक्शन चूल्हा,टिफिन इत्यादि शामिल है। श्रमिक कल्याण बोर्डों की धनराशि को प्रधानमंत्री कोष में शिफ्ट करने की साज़िश चल रही है जिसका दुरुपयोग होना तय है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार की लापरवाही के कारण मनरेगा व निर्माण मजदूरों सहित लगभग इक्कीस लाख असंगठित व प्रवासी मजदूरों का माननीय सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देश पर ई श्रम पोर्टल में पंजीकरण भी अधर में लटका हुआ है। इस से ही स्पष्ट है कि सरकार मजदूरों के प्रति संवेदनहीन है। मनरेगा मजदूरों को प्रदेश सरकार द्वारा तय तीन सौ रुपये न्यूनतम वेतन भी नहीं दिया जा रहा है व यह कई राज्यों के मुकाबले में बेहद कम है। उनके वेतन का भुगतान तय समय पर नहीं किया जा रहा है। उन्हें निर्धारित एक सौ बीस दिन का काम भी नहीं दिया जा रहा है। महंगाई चरम पर है जिसके कारण मज़दूरों को और ज़्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तथा उन्हें अपना दैनिक खर्चा करना बहुत मुशिकल हो गया है। इस प्रकार सरकार मनरेगा मजदूरों के साथ घोर अन्याय व भेदभाव कर रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड पंजीकृत मजदूरों के लाभ समय पर जारी नहीं कर रहा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश श्रमिक कल्याण बोर्ड पर मजदूरों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी तीन सौ रुपये करने,एक सौ बीस दिन का काम सुनिश्चित करने,मजदूरों का पंजीकरण सरल व एक समान करने,मजदूरों को स्वीकृत सामग्री तुरन्त जारी करने,बोर्ड से मिलने वाली सहायता सामग्री बहाल करने, शिक्षण छात्रवृत्ति, विवाह, चिकित्सा इत्यादि की लंबित सहायता राशि जारी करने, मजदूरों की पेंशन दो हज़ार रुपये करने, जिलों में मजदूरों के पंजीकरण हेतु अतिरिक्त स्टाफ व श्रम कल्याण अधिकारी नियुक्त करने व लॉक डाउन अवधि की राशि सभी को तुरन्त जारी करने की मांग की।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ. अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 29 नवम्बर को 30 स्थानों पर कॉविड -19 टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों से भी अपील की है कि वह कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि वह इस महामारी से अपने आपको, अपने परिवार को व अपने समाज को बचाकर अपना दायित्व निभा सके। उन्होंने बताया कि 29 नवम्बर को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, ई.एस.आई. मालवा कोटन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरोग बनेडी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर भारापुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा, उप स्वास्थ्य केंद्र मिस्रवाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाखणा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सतौन, उप स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर खोल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखूवाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगानी, आर बी एस के टीम, आर बी एस के टीम 1, आर बी एस के टीम 2, उप स्वास्थ्य केंद्र तारूवाला, उप स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर, उप स्वास्थ्य केन्द्र अजोली, ग्राम पंचायत मत्रालियों, उप स्वास्थ्य केन्द्र बहराल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरगढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, मोबाइल टीम पांवटा साहिब-1, उप स्वास्थ्य केंद्र चांदनी, उप स्वास्थ्य केंद्र गिरिनगर इन सभी स्थानों पर कॉविड -19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ. अजय देओल ने कहा कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं।
सोलन में वार्ड 4 के बूथ नम्बर 2 बरूरी में "मन की बात" कार्यक्रम के बाद बूथ की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुरुषोत्तम गुलेरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विश्व की सबसे अग्रणी स्वास्थ्य योजना "आयुष्मान भारत योजना" के लाभार्थियों से बातचीत करते हुए इसका व्यापक प्रचार प्रसार करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें,आज आयुष्मान भारत योजना गरीबों,मध्यमवर्ग के परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। गुलेरिया ने बूथ की बैठक में पन्ना प्रमुखों को आगामी योजनाओं के बारे में बताया वह किस तरह से हिमाचल पन्न प्रमुख आइडिया को पूरे देश भर में चलाया जा रहा है। इस बैठक में संगठन की योजनाओं को लेकर भी चर्चा की गई व् पन्ना समितियों को लेकर भी चर्चा की गई l इस बैठक में बूथ अध्यक्ष सुरेश शर्मा ,मनोनित पार्षद शकुंतला शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष रोहित भारद्वाज ,मनोज शर्मा ,मनीष गौतम ,राजेंद्र शर्मा ,लेखक राज राणा ,ज्ञान कवर ,कल्याण ठाकुर, जगत राम शर्मा ,रमेश धिमान आदि उपस्थित रहे l
कुनिहार : कुनिहार कुफ़्टू मार्ग पर 15 नवम्बर को बझोल नाले के पास कूड़े के ढेर में मिली महिला की लाश की गुथी पुलिस द्वारा 26 नवंबर को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही 12 घण्टे के अंदर ही सुलझा ली। खुफिया रिपोर्ट के आधार पर जिस तरह कुनिहार थाना के कर्मियों ने मृतक महिला का कुनिहार क्षेत्र सहित कंहा कंहा आना जाना था,26 नवम्बर को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आते ही हत्या का मामला दर्ज कर 12 घण्टे के अंदर ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।27 नवंबर को अर्की कोर्ट में दोनों आरोपियों को पेश किया गया व दोनों आरोपी 2 दिसम्बर तक पुलिस रिमांड पर है।एएसआई पूर्ण चन्द की अगुवाई में हेड कांस्टेबल नरेंद्र,हेड कांस्टेबल रमन व आरक्षी दिनेश व राकेश ने जाठिया देवी से अशोक कुमार आरोपी को गिरफ्तार किया,जिसने बागी गावं में उक्त महिला के साथ निर्दयता पूर्वक मार पिटाई की थी।महिला की रीढ़ की हड्डी के मनके पोस्टमार्टम रिपोर्ट में टूटे हुए थे।महिला की मौत के बाद अशोक ने लाश को ठिकाने लगाने के लिए अपने जमाई रंजीत से सम्पर्क किया था व महिला का शव बझोल नाले के पास फेंक दिया था।15 नवम्बर को कम्बल में लिपटी लाश को वँहा पर पशुचारा ले रही महिलाओं ने देखा था व पंचायत प्रधान को सूचना दी थी।प्रधान द्वारा कुनिहार थाना को सूचना देते ही पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए महिला के स्थायी ठिकाने पता लगा कर बॉडी को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा था।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला का कुनिहार सहित कंहा कंहा आना जाना था खुफिया तौर पर अपनी कार्यवाही जारी रखी हुई थी व हत्या का मामला दर्ज होते ही हत्या मामले में दो लोगो को गिरफ्तार कर लिया। कुनिहार क्षेत्र की सम्भव चेरिटेबल संस्था कुनिहार,कुनिहार विकास सभा,नव चेतना,जनकल्याण समिति कुनिहार सहित कई सामाजिक संस्थाओं ने पुलिस द्वारा हत्या का मामला जल्द सुलझाने पर पुलिस प्रसासन की प्रसंशा की है।
शिमला में घने कोहरे के चलते व फिसलन से रविवार को दो स्थानों पर कई गाड़ियों में आमने सामने टक्कर हो गई। इन हादसों में कई लोगों को चोटे आई हैं और कई वाहनों को नुकसान हुआ है। राजधानी शिमला के निकट फागू और कुफरी के निकट होटल एप्पल ब्लॉसम के पास घने कोहरे के चलते सात गाड़ियों में टक्कर हो गई। इन में बस, ट्रक व कई छोटे वाहन शामिल है। इस हादसे में कई लोगों को चोटें भी आई है और गाड़ियों को खासा नुकसान हुआ है। उधर शिमला जिला के खड़ा पत्थर में दो गाड़ियों में टक्कर हो गई। इस टक्कर का कारण भी कोहरा बताया जा रहा है। हादसों के चलते रविवार सुबह दोनों तरफ जाम लगा हुआ है। गनीमत यह रही कि रविवार को अवकाश होने के कारण शिमला ठियोग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थोड़ी कम थी।
शिमला :हिमाचल प्रदेश में जेसीसी बैठक में सरकार द्वारा नए वेतनमान देने की घोषणा के साथ अनुबंध काल को 3 वर्ष से घटाकर 2 वर्ष करने, दैनिक भोगी कर्मचारियों को 5 वर्ष की जगह 4 वर्ष में नियमित करने के साथ अन्य मांगों को जल्द पूरा करने के आश्वासन के लिए राज्य कार्यकारिणी ने सरकार का आभार व्यक्त किया है। यह जानकारी शिक्षक महासंघ के प्रांत मीडिया प्रभारी दर्शन लाल ने दी। इसके साथ उन्होंने बताया कि लंबे समय से कर्मचारियों से जुड़ी बहुत सी मांगों को सरकार द्वारा पूरा कर दिया गया है जबकि इसी कड़ी में शामिल बहुत सी मांगों को औपचारिकताएं पूरी करके पूरा करने का आश्वासन दिया है जिसे लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय सचिव पवन मिश्रा, शिक्षक महासंघ के प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ मामराज पुंडीर,महामंत्री विनोद सूद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयशंकर, कोषाध्यक्ष तीर्थ आनंद शर्मा ,अतिरिक्त महामंत्री सुधीर गौतम, मंडी के अध्यक्ष भगत चंदेल, सोलन अध्यक्ष नरेंद्र कपिला, किन्नौर के अध्यक्ष बलवीर नेगी, कुल्लू के अध्यक्ष चतर सिंह, कांगड़ा के अध्यक्ष जोगिंदर शर्मा, हमीरपुर के अध्यक्ष नरेश कुमार, बिलासपुर के अध्यक्ष ललित मोहन, सिरमौर के अध्यक्ष सुशील मल्होत्रा, उना के अध्यक्ष सुधीर गौतम, शिमला के अध्यक्ष बलबीर भगत, चंबा के अध्यक्ष बलदेव मिन्हास समेत सभी पदाधिकारियों ने सरकार का आभार व्यक्त किया। शनिवार को हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और शिक्षामंत्री गोविंद ठाकुर के साथ बैठक की, जिसमे अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय सचिव व प्रान्त संगठन मंत्री पवन मिश्रा, प्रान्त अध्यक्ष पवन कुमार, प्रान्त उपाध्यक्ष डॉ मामराज पुंडीर और प्रान्त महामंत्री विनोद सूद मौजूद रहे। बैठक में संगठन द्वारा 2 दिसम्बर को होने वाली उच्च स्तरीय बैठक में शिक्षको की मांगों को हल करने का आग्रह किया गया।
शिमला :मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शनिवार को एक सफल और प्रख्यात हिंदी लेखक राजेंद्र राजन द्वारा रचित पुस्तक ‘अनसंग कम्पोजर ऑफ़ आईएनए कैप्टन राम सिंह ठाकुर जन गण धुन के जनक’ का विमोचन किया। इस पुस्तक में आईएनए सोल्जर के क्रमबद्ध इतिहास को प्रस्तुत किया गया है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्र के लिए राम सिंह के उल्लेखनीय और ऐतिहासिक योगदान को प्रकाश में लाने के लिए लेखक के प्रयासों की सराहना की। कैप्टन राम सिंह एक स्वतंत्रता सेनानी और आईएनए तथा प्रोविंशियल आम्र्ड कांस्टेबुलरी, लखनऊ के प्रसिद्ध संगीत निर्देशक थे।राजेंद्र राजन हिंदी के एक प्रख्यात लेखक हैं और अब तक उनकी 12 किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। पंचायत समिति संगड़ाह के अध्यक्ष मेला राम शर्मा और हिमाचल के प्रसिद्ध लेखक डाॅ. हेम राज कौशिक इस अवसर पर उपस्थित थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को शांता कुमार पर लिखित ‘साहित्यसेवी राजनेता शांता कुमार’ नामक पुस्तक भी भेंट की।
शिमला के सरस्वती नगर वार्ड से जिला परिषद सदस्य व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता टीम में पैनलिस्ट कौशल मुंगटा ने भाजपा सरकार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की रिज पर प्रस्तावित प्रतिमा को जल्द से जल्द स्थापित करने की माँग की है उनका कहना है कि स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश की शान थे और उन्होंने आधुनिक हिमाचल की नींव रखी है तथा रिकार्ड छः बार प्रदेश की कमान थामी है उनके इस योगदान को हिमाचल सदैव दिलों में रखे हुए है तथा उनके यादों में रिज पर शिमला में एक मूर्ति का होना उनके प्रति हमारे सम्मान की निशानी होगा जो की हर हाल में होना ही चाहिए। मुंगटा का कहना है की अगर इस पर टाल मटोल किया गया तो वो शिमला में धरने पर बैठ कर अपना रोष प्रकट करेंगे और वादा खिलाफी करने वाली भाजपा को पर्दाफाश करने का काम करेंगे। कौशल मुंगटा ने कहा की वीरभद्र सिंह हिमाचलवासियों के दिलों में बसते हैं भाजपा जितना प्रयास कर ले उनकी छाप नहीं मिटा सकती और बात केवल एक प्रतिमा की नहीं है बल्कि वीरभद्र सिंह के प्रति लोगों के प्यार व सम्मान की है।
ज्वालामुखी: गऊ माता और गऊ वंश पर सियासत करने वाली बीजेपी ने करोड़ों रुपया खर्चा है, जो कि सीधे-सीधे टैक्सपेयर के पैसे का दुरुपयोग है। यह बात ज्वालामुखी के पूर्व विधायक एवम प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता संजय रत्न ने जारी प्रेस बयान में कही। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए खर्चने के बावजूद हजारों बेसहारा गौवंश सड़कों पर भटकता हुआ हादसों का शिकार हो रहा है, वहीं कई दुर्घटनाएं इस बेसहारा गऊ वंश के कारण हो रही हैं। संजय रत्न ने कहा कि कर्जों के पहाड़ के नीचे दबे प्रदेश की सरकार ने गऊ वंश के नाम पर करोड़ों रुपए सरकार ने खर्चे हैं लेकिन इस करोड़ों रुपए से अधिकांश राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी है और जो थोड़ा बहुत बजट लगा भी है उसका गऊ वंश को कोई विशेष लाभ नहीं मिला है। हां यह दीगर है कि सरकार आंकड़ों की बाजीगिरी में इस बजट को जस्टिफाई करने में लगी है। संजय रत्न ने कहा कि जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी क्षेत्र के लुथान में साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से कॉऊ सेंक्चुरी बनाई गई है लेकिन दिलचस्प यह है कि इस कॉऊ सेंक्चुरी को अधिकारिक एजेंसी से न बनवाकर फॉरेस्ट विभाग से बनवाया गया है। जिसकी निर्माण गुणवत्ता पर बनने से पहले ही सवाल खड़े हो रहे हैं। इतना ही नहीं इस कॉऊ सेंक्चुरी के टेंडर तक नहीं हुए हैं। स्वाभाविक तौर पर चेहतों को लाभ पहुंचाने के लिए यह करोड़ों रुपया गऊ वंश के नाम पर होम किया गया है। सवाल यह उठता है कि जब गऊ वंश के नाम पर प्रदेश में खर्चा गया करोड़ों रुपया गऊ वंश को कोई राहत नहीं दे पाया है तो इस फिजूलखर्ची की जिम्मेदारी व जवाबदेही किसकी है, सरकार को यह बताना होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी बजट की जितनी लूट भाजपा के इस कार्यकाल में हुई है शायद ही कभी हुई हो। यही कारण है कि बीजेपी से अब जनता का नहीं उसके अपने कार्यकर्ताओं का भरोसा खत्म हो रहा है और रही-सही कसर आगामी विधानसभा चुनावों में जनता पूरी कर देगी।
जसवां:परागपुर : ब्लॉक खन्ड परागपुर केे अन्तर्गत ग्राम पंचायत नलसुहा में प्रदेश उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर के प्रयासो से सड़क बनने का सपना साकार हो चुका है। बता दें नलसुहा, सुकेड के तहत 6 लोगो ने नायब तहसीलदार परागपुर नाजिर हुसैन की उपस्थिति में वार्ड पंच दीपक राणा के माध्यम से अपनी लाखो करोडों रुपये की क़ीमती ज़मीन लोक निर्माण विभाग को दान स्वरूप देकर इलाके भर मे मिसाल कायम की है। लोगो ने ज़मीन विभाग के नाम कर एक नया अध्याय लिखा है। उक्त भूमि दानवीरों की सीख उन लोगो को भी लेनी होगी जो अपनी एक इंच जमीन के लिए एक दूसरे पर मारपीट व जान लेने के लिए उतारु हो जाते है। वार्ड पंच दीपक राणा ने बताया लिंक रोड मंदवाड़ा वाया चनौरिया बस्ती - बाबा बलोटू सुकेड -डडारी सड़क के लिए उद्योग एवम परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने 6 करोड़ 43 लाख रुपये सेक्शन किये हुए थे वहीं गाँव सुकेड के समीप सड़क के लिए जमीन नहीं होने की वजह से लगभग 30 मीटर बिना बनाये उसे छोड़ दिया गया था । दीपक राणा ने बताया कि उक्त सड़क के लिए दानवीर जसवंत सिंह, मनोहर लाल, बलदेव सिंह, कुलदीप सिंह निवासी नलसूहा व कर्मवीर सिंह निवासी सुनहेत व प्रीतम चन्द निवासी सुकेड ने अपनी भूमि दान कर दी है अब विभाग उक्त स्थान पर सड़क बनाने का कार्य शुरू कर सकता है।
ज्वालामुखी के तहत पड़ते बग्गी के लोगों ने ज्वालामुखी के विधायक एवं योजना आयोग के उपाध्यक्ष रमेश धवाला से बग्गी स्थित मन्दली से नाहली , माहड़ ,बाग , कुलजलाहड़ सड़क को बनाने की मांग है । इलाके के लोगों का कहना है कि लगभग 20 साल पहले उक्त सड़क का सर्वे भी हो चुका है ,लेकिन आज दिन तक मात्र दो किलोमीटर सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है । चार गांवों की लगभग 500 के करीब जनता आज भी सड़क सुबिधा से वंचित है । इसे प्रशासन की लापरवाही कहें या राजनेताओं की अनदेखी । उपरोक्त गांवों के लोग आज भी पैदल चलने पर मजबूर हैं । सड़क के अभाव में कई मरीज बीच रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं । लोगों का कहना है कि वे कई बार प्रशासन से उक्त सड़क बनबाने के लिए गुहार लगा चुके हैं ,लेकिन ना तो प्रशासन ने उनकी इस समस्या का हल करने की जहमत उठाई है और ना ही किसी राजनेता ने कोशिश की है । अजय कुमार ,शानू राणा , रोहित चौहान ,दीप कुमार, प्यार चन्द , पूर्ण चन्द, प्रकश चन्द , हरि चन्द,राकेश कुमार ,शनि ,विक्की कुमार , मुकेश कुमार , विकाश कुमार , प्रकाश चन्द ,किकर सिंह , मदन लाल , विधि चन्द , लाल चन्द , विशाल राणा ,देवराज बलदेव सिंह , नरेश कुमार ,रंजीत , गुरमीत सिंह ,अर्जून राणा , किरण कुमारी , इंद्रा देवी , सुनीता देवी , राजो देवी , कांता देवी , प्रीतो देवी ,प्रिमला देवी , ओम देवी ,मस्त राम , बन्नी सिंह आदि ने ज्वालामुखी के विधायक एवमं योजना आयोग के उपाध्यक्ष रमेश धवाला से मांग की है कि बग्गी स्थित मंदली से नाहली , माहड़ , बाग ,कुलजलाहड़ सड़क को प्राथमिकता के आधार पर बनाया जाए । इस सम्बंध में ज्वालामुखी के विधायक एवं योजना आयोग के उपाध्यक्ष रमेश का कहना है कि उक्त गांवों के लोगों की सड़क सम्बंधी समस्या का जल्द से जल्द हल कर दिया जाएगा । ताकि लोगों को सड़क सुबिधा मिल सके ।
दलजीत कंवर पंचायत बठरा को जसवां प्रागपुर किसान कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष बनाया हैं। दलजीत कंवर इससे पहले बीजेपी आईटी सेल जसवां प्रागपुर के संयोजक थे और हाल ही में उन्होंने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन की है। दलजीत कंवर ने बताया कि उन्होंने बीजेपी की जन-विरोधी नीतियों से तंग आकर पार्टी छोड़ी है और वर्तमान उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर के झुठ के पुलिंदों से तंग आकर बीजेपी पार्टी को छोड़ाकर कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि अब उनका ध्येय जसवां प्रागपुर में ठाकुर सुरिन्द्र सिंह मनकोटिया को जिताना है और कांग्रेस पार्टी को अगले साल सत्ता में लाना है। अध्यक्ष बनने पर इन्होंने कांग्रेस पार्टी किसान के प्रदेशाध्यक्ष विशाल चम्बियाल और ठाकुर सुरिन्द्र सिंह मनकोटिया का धन्यवाद किया और विश्वास दिलाया कि वे कांग्रेस को अगले साल सत्ता में लाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे ।
केन्द्रीय विद्यालय नलेटी में शनिवार को विद्यालय बच्चों के द्वारा स्व निर्मित शैक्षिक खिलौनों का प्रदर्शन किया गया। जिसमें विद्यालय के सभी बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने इस शैक्षिक खिलौना मेले का खूब आनंद उठाया तथा अपनी जिज्ञासा को प्रश्न पूछकर शांत किया। इस मेले में पर्यावरण,विज्ञान,गणित,भूगोल, खेल ,भाषा ज्ञान, व्याकरण, संतुलित पोषण आदि से संबंधित खिलौनों का प्रदर्शन किया गया। विद्यालय प्राचार्या स्वाति अग्रवाल ने खिलौना बनाने वाले बच्चों व निर्देशित करने वाले समस्त शिक्षकों को बधाई दी तथा शेष बच्चों को भी इसी तरह के रचनात्मक कार्यों में भाग लेने हेतु प्रेरित किया। इन खिलौनों का शिक्षण अधिगम प्रक्रिया(टॉयज बेस्ड लर्निंग) में और बेहतर प्रयोग किया जा सकता है। इस प्रकार के मेलों के आयोजन से बच्चों में कुछ नया करने की उत्सुकता बनी रहती है और वे अपने शिक्षकों के निर्देशन में कुछ नया करने को लालायित रहते है।
जसवां:परागपुर मे शनिवार को पूर्व कामगार एवम कर्मचाारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरिन्दर सिंह मनकोटिया की अध्यक्षता मे कांग्रेस सदस्यता अभियान का शुभारम्भ हुआ। वर्ष 2022 मार्च तक चलने वाले इस कांग्रेस सदस्यता के पहले दिन शनिवार को 125 लोगो ने सदस्यता ग्रहण कर इस मूहिम की शुरुवात की। जानकारी देते हुए पूर्व कामगार एवम कर्मचाारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरिन्दर सिह मनकोटिया ने कहा कि वर्ष 2022 मार्च तक आठ से दस हजार तक कांग्रेस सदस्यता का लक्ष्य है जोकि बड़ी आसानी से पूरा हो जाएगा।
उद्योग एवं परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर ने चिंतपूर्णी में कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक समित की शाखा में नए एटीएम का उद्घाटन किया। इससे पूर्व कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष डॉ राजीव भारद्वाज ने उद्योग मंत्री का स्वागत किया। उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने विधिवत पूजा अर्चना कर नए एटीएम की शुरुवात की। कांगड़ा कॉपरेटिव बैंक का ये 108वां एटीएम है। वंही देहरा जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा ने इस दौरान मांग रखी की जसवां परागपुर क्षेत्र में भी समनोली व साथ लगती पंचायतों में लोगों की सुविधा के लिए एक काउंटर खोला जाए जिसको लेकर डॉ राजीव भारद्वाज ने आश्वासन दिया कि शीघ्र संजीव शर्मा की इस मांग को पूरा किया जाएगा। कांगड़ा सहकारी बैंक सीमित के अध्यक्ष डाॅ राजीव भारद्वाज ने इस अवसर पर कहा कि माता चिंतपूर्णी के दरबार में कांगड़ा बैंक का ये 108वां एटीएम है और लोगों की सुविधा के लिए ही इसको खोला गया है। उन्होंने कहा कि इस एटीएम में मां के दरबार आने वाले श्रदालुओं को भी लेन देन की सुविधा मिल सकेगी। एटीएम के उद्घाटन के पश्चात बैंक प्रबंधन ने विक्रम ठाकुर शॉल पहनाकर सम्मानित भी किया वहीं चिंतपूर्णी मन्दिर ट्रस्टियों ने भी माता रानी की चुनरी देकर मंत्री विक्रम ठाकुर को सम्मानित किया। इस मौके पर कांगड़ा बैंक के चेयरमैन डाॅ राजीव भारद्वाज, कांगड़ा कॉपरेटिव बैंक के डायरेक्टर पवन लम्बरदार, लेखराज, बैंक मैनेजर रणजीत सिंह डडवाल, बैंक के क्लर्क पवन कुमार, देहरा जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा, छपरोह की प्रधान शशि कालिया, गंगोट की प्रधान ऐश्वर्या शर्मा, नारी की प्रधान अलका संधू, समनोली के प्रधान कुलदीप कुमार, पूर्व प्रधान राकेश समनोल, राजेश पराशर व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डीएवी भड़ोली के बच्चों ने एक्टिविटी डे धूमधाम से मनाया। इसमें बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा के दिशा निर्देश में किया गया। स्कूल द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों में कक्षा एलकेजी और यूकेजी के विद्यार्थियों के लिए वूलन क्लॉथ पर आधारित बेस्ट फाइव वूलन क्लॉथ एक्टिविटी, कक्षा पहली और दूसरी के लिए हिटिंग ए टारगेट एक्टिविटी का आयोजन किया गया। बच्चों ने इन गतिविधियों को अपने अध्यापकों की सहायता से पूरा किया। वही कक्षा छठी से आठवीं के बच्चों ने पोस्टर मेकिंग एक्टिविटी में वर्ल्ड एड्स डे के चित्र बनाकर अपनी अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। एक्टिविटी में भाग लेने वाले बच्चों में तन्वी, आराध्य शर्मा, हर्षित, आरव जैन, अंशिका जैन, वंशिका राणा, अंतरिक्ष यश नंदिनी, आरव, सानिध्य, जहान्वी, अथर्व, कृष्णा, भार्गव रजत, आईना, कृतिका, वैष्णवी, आरुषि सोंधी, सानवी जसवाल, अरनयम, रितिका, कृतिका, नियम, आदित्य, आदि, तनिष्का रितिक, सारांश, दिव्या, भूमिका, राघव वर्मा, माही, प्रगति, प्रांजल, वंशिका, सक्षम, काव्य, निहारिका सहित अन्य विद्यार्थी भी शामिल रहे।
जोगिंदर नगर : हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक चौंतडा़ द्वारा किया गया वित्तीय साक्षरता कैंप का आयोजन
उपमंडल जोगिंद्रनगर के हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक चौंतडा़ द्वारा शुक्रवार को वित्तीय साक्षरता कैंप का आयोजन किया गया। जानकारी देते हुए शाखा प्रबंधक राम लाल मंडयाल ने बताया कि कैंप में 45 महिला, पुरुषों ने भाग लिया। जिसमें उन्हें बैंक संबधी जानकारी प्रदान की गई। बैंक के एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, मोबाइल ऐप, डिजिटल बैंकिंग के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इसके अलावा अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना इत्यादि के बारे में लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इसी तरह से बैंक की ऋण संबंधी, किसान क्रेडिट कार्ड, होम लोन, वाहन ऋण, वेतन के तहत सैलरी लोन इत्यादि अनेक ऋण योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया। शाखा प्रबंधक रामलाल मंडयाल ने लोगों को अवगत कराते हुए कहा कि किसी के साथ भी अपनी आधार व पैन कार्ड संबधी जानकारी साझा ना करें। क्योंकि आए दिन देखा जा रहा है कि मोबाइल कॉल के जरिए लोगों के साथ धोखाखड़ी की जा रही है। इसके लिए सभी लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।
शनिवार को राजीव गाँधी स्मारक महाविद्यालय जोगिंदर नगर में रोवर रेन्जर इकाई द्वारा ड्रग चेतना विषय पर चित्र कला और नारालेखन गतिविधि का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता सिंह मौजूद रही। इस गतिविधि में सिया, शिवानी, सलोनी, अनु, एशिका, शबनम, अभीशेक, शिवानी,प्रियंका ठाकुर, दीक्षा, सुधा और अनु ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में रोवर लीडर डा.विशाल, रेन्जर लीडर पूनम, डा.चेतना और डा. पवन कुमार उपस्थित रहे।
शुक्रवार शाम को हिमाचल प्रदेश के प्रथम लोक गायक महाशय काकू राम के सुपुत्र ज्ञानेंद्र कुमार का 81 वर्ष की आयु में बीमारी के कारण सोलन के घट्टी(लोहारों) नामक स्थान पर निधन हो गया। ज्ञानेंद्र कुमार का जन्म 1940 में कंडाघाट के मही नामक गाँव में हुआ। बचपन से ही इन के घर पर इनके पिता महाशय काकू राम के कारण संगीत का बहुत अच्छा माहौल था। महाराजा पटियाला के दरबारी गायक काकू राम के सुपुत्र ज्ञानेंद्र कुमार ने घर पर ही अपने पिता से शास्त्रीय संगीत, सुगम संगीत तथा लोक संगीत की शिक्षा प्राप्त की। तत्पश्चात ये भी मुख्यतः भजन संगीत, सुगम संगीत, लोक संगीत तथा लोक नाट्य करियाला के कार्यक्रमों में प्रस्तुतियां देने लगे। शनिवार यानि आज सोलन के चंबाघाट में इनके परिवार के सदस्यों द्वारा इन्हें मुखाग्नि दी गयी। इनकी मृत्यु के पश्चात इनका सम्पूर्ण परिवार तथा संबंधी शोक में हैं। ज्ञानेंद्र कुमार बहुत कुशल संगीतज्ञ, लोक नाट्य कलाकार होने के साथ-साथ बहुत ही शांत स्वभाव तथा मिलनसार व्यक्ति भी थे। भगवान इनकी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
हिमाचल प्रदेश कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज में भी नंबर वन पर आ गया है। गोवा को पीछे छोड़ते हुए हिमाचल प्रदेश ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज़ का लक्ष्य हासिल का लिया है। हालांकि प्रदेश में अभी 90 फीसदी लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगी है। 10 फीसदी लोगों को टीका लगना बाकी है। ऐसे में दोनों राज्यों में यह अभियान तेजी से चल रहा है। बताया जा रहा है कि गोवा सिर्फ हिमाचल से एक फीसदी पीछे हुआ है। इससे पहले यह राज्य करीब 10 दिनों से आगे चल रहा था। इधर, प्रदेश सरकार ने संपूर्ण वैक्सीनेशन कार्यक्रम के चलते 5 दिसंबर को बिलासपुर में कार्यक्रम फाइनल कर दिया है। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहेंगे। प्रदेश में लोगों को घर-घर वैक्सीन लगाने के कार्यक्रम को केंद्र सरकार ने सराहा है। प्रदेश में 49 लाख लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लग चुकी है। केंद्र सरकार ने 4 दिसंबर तक 55.23 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने टारगेट पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के तीन हजार कर्मचारियों को फील्ड में उतारा है। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन लगाने के लिए अतिरिक्त स्टाफ मुहैया कराया गया है। शुक्रवार को आयोजित ग्रामसभाओं में 100 फीसदी वैक्सीनेशन का प्रस्ताव पारित किया गया। इन सभाओं में भी उपस्थित लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई।
हिमाचल प्रदेश का कर्मचारी वर्ग लम्बे समय से जेसीसी की बैठक का इंतज़ार कर रहा था। इसी के चलते शनिवार यानि आज हिमाचल प्रदेश के ढाई लाख कर्मचारियों के लंबित मसले सुलझाने के लिए पीटरहॉफ शिमला में संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बता दें कि करीब 6 साल बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में यह जेसीसी बैठक आयोजित हुई है। बैठक में मुख्य सचिव, सभी सचिव और विभागाध्यक्ष सहित हिमाचल अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश ने कर्मचारियों के सहयोग से विकास के आयाम छूए हैं। हिमाचल में कर्मचारियों की संख्या अन्य राज्यों से ज्यादा है। कोरोना से प्रदेश की आर्थिकी सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड से निपटना प्राथमिकता है। जमीनी स्तर पर योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घोषणा करते हुए कहा कि 1 जनवरी से 2016 से प्रदेश के कर्मचारियों को नए वेतनमान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के छठे वेतन आयोग के लागू होने के बाद कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए करीब 50 फीसदी बजट खर्च होगा, अभी तक 42 प्रतिशत बजट खर्च होता है। साथ ही समन जयराम ने कहा कि एनपीएस कर्मचारियों को अन्य पेंशन लाभ में निवेश की छूट दी है। विभाग में 27 हजार पदों को भरने की अनुमति दी है। बैठक में कर्मचारियों का अनुबंध कार्यकाल घटाकर दो साल कर दिया गया है। अनुबंध कर्मचारी लंबे समय से यह मांग सरकार से उठा रहे हैं। साथ ही सीएम जयराम ने 15-5-2003 फेमिली पेंशन का भी एलान किया है। साथ ही सीएम जयराम ने दैनिक वेतन भोगी को रेगुलर करने के लिए एक साल कम किया है। सुप्रीटेंडेंट ग्रेड वन के लिए विचार करने कि भी सीएम जयराम ने जेसीसी की बैठक में घोषणा की। साथ ही उन्होंने पेंशनरों को भी देय लाभ देने की घोषणा की। इसी के साथ सीएम जयराम ने कहा कि कर्मचारियों की अन्य मांगों पर विचार करने के लिए एक कमेटी का गठन किया जायगा। करुणामूलक आधार पर नौकरी के मसलों को सुलझाने के लिए पहले ही मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की है। उसकी रिपोर्ट अगली कैबिनेट में तैयार की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि स्टेनो टाइपिस्ट को 10 से सात साल में रेगुलर करने को आरएंडपी रूल में संशोधन किया जायगा। साथ ही सीएम ने कहा कि जनजातीय कर्मचारियों को लाभ देने पर विचार किया जाएगा। जनजातीय क्षेत्रों में दिहाड़ीदारों को जनजातीय भत्ते देने पर भी विचार किया जाएगा।
एस डी एम विवेक महाजन ने तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री के साथ हरिपुर टोहाना स्थित धान ख़रीद केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को धान बेचने में आ रही समस्याओं को सुना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण भी किया। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर में सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए इसी वर्ष तीन धान ख़रीद केंद्र खोले हैं, परंतु नए धान ख़रीद केन्द्र होने के कारण किसानों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी के मार्गदर्शन में ही किसानों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। अभी तक इन धान ख़रीद केन्द्रों में 1748 किसानों के 1 लाख 1 हज़ार क्विंटल धान की ख़रीद की गई है। इन धान ख़रीद केन्द्रों में ख़रीद अभी भी जारी है।
हिमाचल ही नहीं बल्कि पूरा देश जिस बेसब्री से केबीसी में अरुणोदय की झलक को देखने का इंतजार कर रहा था। आखिरकार वो लम्हा आ ही गया। अरुणोदय स्टेज पर हिमाचली नाटी करते हुए आये और 'कोशिश करने वालों की हार नहीं होती’ पंक्तियों के बाद अपना परिचय दिया। मात्र नौ वर्ष का अरुणोदय सही मायनों में सूर्योदय से पहले की ऊर्जा से सम्पूर्ण लालिमा है। शो के दौरान अमिताभ बच्चन बच्चों के साथ खूब मस्ती करते नजर आए। एक बच्ची ने बिग बी के जूते पर प्रतिक्रिया जाहिर की, तो एक ने चश्मे पर। इसी बीच ब्रेक पर जाने से पहले अरुणोदय ने कहां कि बिग बी जवानी की तुलना में इस समय बेहतरीन लगते हैं। शो के दौरान जब बच्चन ने अरुणोदय से भविष्य के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि उनके सपने बदलते रहते हैं। अरुणोदय ने एक परिपक़्व व्यक्ति की तरह जवाब दिया कि वे डॉक्टर व पॉलिटिशन तो कतई नहीं बनना चाहते, इसके पीछे उनका क्या तर्क है ये उन्होंने नहीं बताया। अरुणोदय ने कहा कि उनका बचपन से ही बुजुर्गों व जानवर से खास लगाव रहा हैं। शो के दौरान बिग बी ने भी दर्शकों से पूछा कि क्या उन्हें विश्वास है कि अरुणोदय 9 साल के है। इस पर भी अरुणोदय ने जमकर हाजिर जवाबी दिखाई। साथ ही इससे पहले उन्होंने बिग बी को बताया कि उन्हें पुराने गीत पसंद है। अरुणोदय ने जहां चार यार मिल जाएं गीत भी सुनाया, साथ ही यह भी बताया कि यह उनकी फिल्म “शराबी “का गीत है। अरुणोदय रोलओवर के उम्मीदवार हैं, शो का प्रसारण 29 नवंबर को भी किया जाएगा।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जन संघ का निर्माण देश और समाज की सेवा के लिए खड़ा किया था। हमने 1980 में भाजपा की स्थापना की थी और आज हमारी पार्टी का इतना बड़ा स्वरूप है यह सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। हमें देश और समाज की सेवा करनी है यह हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की प्रथा है एक बार कांग्रेस, एक बार भाजपा को इस बार तोड़ना है और 2022 में फिर भाजपा की सरकार बनानी है। सौदान सिंह ने कहा कि 5 साल में नहीं, ज़्यादा सालों में बदलाव आता है, बात आने वाले 5 साल नहीं पर 25 साल के लिए सरकार बनाने की बात कर रहे है तब प्रदेश में परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत बड़ी है, कांग्रेस के पास कोई ताकत नहीं है, कांग्रेस के पास कोई संगठन एवं सामाजिक संगठन नहीं पर भाजपा के पास हर क्षेत्र में संगठन है यह हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश और प्रदेश में एक सिस्टम खड़ा किया है और हिमाचल में भजापा पन्ना समितियों तक पहुंच गई है यह बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी स्तरों पर ताल मेल और समन्वय के साथ आगे बढ़ेगी और नए जोश के साथ काम करेगी। हम सब कार्यकर्ताओं की मन की बात सुनेंगे और भाजपा के नेता हर बूथ पर जाएंगे कार्यकर्ताओं से संपर्क करेगे।
भाजपा कार्यसमिति में उपस्थित पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मिशन 2022 को रिपीट करने के लिए कमर कसकर तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि हिमाचल भाजपा ने कई उतार चढ़ाव से होते हुए न सिर्फ प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश मे भी अपनी अग्रणी भूमिका स्थापित की है। जयराम ठाकुर ने प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक में सँगठनकर्त्ता आधारित पार्टी में कार्यकर्त्ता की सक्रिय भूमिका पर बल देने की बात कही। उन्होंने कहा जहां देश भर में हिमाचल भाजपा के संगठन मॉडल को देश में प्रतिस्थापित किया जा रहा है उसके लिए संगठन महामंत्री की प्रंशसा की। वहीं मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को सरकार के विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका को अदा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन 2022 में जीत के लिए आने वाला समय चुनोतियों से भरा होगा। लेकिन संगठन व कार्यकर्ताओं के बल पर इन चुनौतियों को पार पाने में सफल होंगे। उन्होंने बताया कि विपक्ष तथ्यरहित मुद्दो के साथ समाज को गुमराह कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा के भाजपा वर्ष 2022 में सरकार के विकास कार्यों व संगठन व कार्यकर्ताओं के दम पर मिशन रिपीट करने में सफल होगी। उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति के उदघाटन सत्र में जेपी नड्डा के सम्बोधन से कार्यकर्त्ता में सकारात्मक माहौल बनेगा उसके किये उनका भी आभार प्रकट किया। साथ ही सौदान सिंह, अविनाशराय खन्ना और संजय टण्डन का भी उपस्थित कार्यकर्त्ताओं का मार्गदर्शन करने के किये आभार व्यक्त किया।
बागा स्थित अल्ट्राटेक कंपनी में सीटू यूनियन के अध्य्क्ष बलवीर सिंह की अध्यक्षता में लाल झंडा सीमेंट प्लांट वर्कर यूनियन संबंधित सीटू ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आयोजन शालूघाट में किया। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य तीन कृषि कानूनों की वापसी व मजदूरों के 44 श्रम कानून में बदलाव व बढ़ती महंगाई के खिलाफ सरकार के रवैए के प्रति नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया गया। मजदूरों को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रधान बलबीर चौहान ने सभी मजदूरों को बधाई दी कि जो तीन कृषि कानून सरकार ने जबरदस्ती किसानों के ऊपर लागू करने की कोशिश कर रही थी। उन कानूनों को सरकार ने किसानों के आंदोलन के चलते वापस ले लिया है,जिससे किसानों की सबसे बड़ी जीत हुई है।इस प्रदर्शन में उन सभी किसानों को श्रद्धांजलि भी दी गई जो इस किसान आंदोलन में शहीद हुए और वही 26 नवंबर 2008 को आतंकी हमले में जान को गवाने वाले सभी लोगों को भी श्रद्धांजलि दी गई। मजदूरों को संबोधित करते हुए यूनियन के महासचिव बृज लाल व संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है,क्योंकि किसान आंदोलन को एक वर्ष पूरा हो गया है। इस आंदोलन में किसानों की जीत हुई है,इसको देखते हुए मजदूरों ने भी अपने आंदोलन को और तेज करने की जरूरत महसूस की है,क्योंकि मौजूदा सरकार में मजदूरों के हितों में जो कानून मजदूरों ने लड़कर बनाए थे उन सभी 44 कानूनों को तोड़कर चार वेज कोड जो बनाए हैं,वह मजदूर हितों में नहीं है,बल्कि वह बड़े-बड़े उद्योगपतियों के पक्ष में बनाए गए हैं,जिससे कि मजदूरों पर सबसे बड़ा हमला है।हमें अपने रोजगार को बचाने के लिए मजदूरों के आंदोलन को मजबूती के साथ लड़ना होगा और सरकार को इन कानूनों को भी वापस लेने के लिए मजबूर करना होगा,जिस तरह से किसानों ने अपने आंदोलन को लड़ा और उस में जीत हासिल की। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि कंपनी के अंदर जो भी मजदूरों की छोटी से लेकर बड़ी समस्या है। उनको भी कंपनी समय रहते यूनियन से बात करके उन समस्याओं को हल करें नहीं तो आंदोलन और भी तेज होगा।इस अवसर पर तिलक राज,लालमन भाटिया,पवन कुमार,गणपतराम,तोसबर खान,रूपलाल,लालमन,राजपाल,जगन्नाथ पटेल,पवन कुमार,प्रवीण कुमार,सुदामा राम,सुगम प्रसाद सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के अंतर्गत अनुभाग दाड़ला,चंडी व ग्याणा के सभी गांव में 28 नवंबर को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग दाड़ला के सहायक अभियंता तृप्त राज शर्मा ने बताया कि विद्युत उपमंडल 132 केवी चमाकडी पुल में बिजली के आवश्यक रखरखाव के लिए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
बीते दिनों शिलाई कांग्रेस मंडल द्वारा अपने निष्कासन को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव अजय चौहान ने मीडिया से औपचारिक रूप से बात करते हुए बताया कि बिना किसी कारण के निष्कासन का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है और पार्टी के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपना व्यक्तिगत हित साधने के लिए चुनिंदा लोगों को निशाना बना रहे हैं। जिसका की सीधा नुकसान कांग्रेस पार्टी को हो रहा है। उन्होंने बताया कि वह लगातार पिछले 10 वर्षों से संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं और विधानसभा युवा कांग्रेस से लेकर शिमला लोकसभा युवा कांग्रेस में उपाध्यक्ष पद पर रह कर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इस वक्त जिला कांग्रेस कमेटी में सचिव के पद पर तैनात है। चौहान ने कहा कि पार्टी ने उनको जो भी जिम्मेदारियां आज तक सौंपी है उन्हें पूरा करने का उन्होंने हर संभव प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि वह युवा कांग्रेस के चुनाव अधिकारी के रूप में देश के विभिन्न राज्य पंजाब, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड में कार्य कर चुके हैं। साथ ही साथ कुछ महीनों पूर्व सोलन नगर निगम और हाल ही में संपन्न हुए मंडी लोकसभा के चुनावों में भी उन्होंने पूरी निष्ठा से कार्य किया है। अजय चौहान का कहना है कि हॉली लॉज और विक्रमादित्य से प्रेम तो आज हिमाचल के हर एक युवा को है। यह प्रेम तो स्व वीरभद्र सिंह की देन है जिन्होंने हिमाचल की जनता के दिलो में राज किया है। अजय चौहान भी हाॅली लॉज से जुड़े हुए हैं और हाॅली लॉज में उनकी आस्था है और हमेशा रहेंगी। प्रदेश सचिव कांग्रेस पार्टी व पूर्व चेयरमैन दलीप चौहान ने भी दिन रात संगठन को दिए हैं और संगठन अपने साथ रखे या ना रखे फिर भी अजय चौहान और दलीप चौहान कांग्रेस पार्टी के लिए उसी भावना और समर्पण से कार्य करते रहेंगे। अजय चौहान ने बताया कि उनके ऊपर जो भी आरोप लगाए गए हैं। उस विषय में उन्हें अभी तक कोई भी जानकारी प्राप्त नही हुई हैं। सिरमौर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कंवर अजय बहादुर से भी बात हुई है। लेकिन उन्हें भी अभी इसके विषय में कोई जानकारी नहीं है कि इस तरह के क्या आरोप लगाए गए हैं। उनके अनुसार जो भी आरोप हैं, ये आधारहीन हैं। इनकी कोई सच्चाई नहीं है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरयांज में सातवां राष्ट्रीय संविधान दिवस बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरयांज में सातवां राष्ट्रीय संविधान दिवस बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में कोरोना नियमों का पालन करते हुए संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रवक्ता राजनीति विज्ञान अमरदेव शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया और सभी छात्रों को संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने का आह्वान किया। डॉ मुक्तेश कुमार गौतम ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस अवसर पर प्रवक्ता अर्थशास्त्र प्रकाश बटटु और प्रधानाचार्य प्रेमलाल नेगी ने भी उपस्थित छात्रों और शिक्षकों को संविधान निर्माण,इसकी उपयोगिता और महत्व पर प्रकाश डाला।प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी ने सभी छात्रों से आह्वान किया कि संविधान का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर इसे समझने का प्रयास करें और इसके अनुरूप आचरण करें। संवैधानिक नियमों का पालन करने से ही राष्ट्र का हित और विकास संभव है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


















































