अटल शिक्षा कुंज कालूझंडा स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी ने चंडीगढ़ के होटल शिवालिकव्यू (सेक्टर-17), में आयोजित एक कार्यक्रम में दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य छात्रों को रोजगार से संबंधित प्रशिक्षण के बेहतरीन मौके, इंटर्नशिप, सेमिनार, कार्यशालाएं आयोजित करना और विभिन्न कौशल विकास गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को रोजगार प्राप्त करने के योग्य बनाना है। यह समझौते आईईसी यूनिवर्सिटी ने चेन्नई स्थित प्रसिद्ध जेसको हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड और कोलकाता स्थित एलाईन कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक दूसरे को सुविधाओं, सेवाओं और ज्ञान हस्तांतरण में सहायता करने के इरादे से किए। इसमें मुख्य रूप से फार्मेसी, इंजीनियरिंग, बेसिक साइंसेज और प्रबंधन के छात्रों के लिए अच्छे अंतरष्ट्रीय स्तर के अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर जेसको हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के उपाध्यक्ष और एलाईन कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के एमडी सुदीप्ता बनर्जी ने आईईसी यूनिवर्सिटी के अधिकारियों के साथ समझौता ज्ञापनों के एजेंडे और उनके प्रभावी कार्यान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और शोधार्थियों की सुविधा के लिए हर संभव मदद की पेशकश की। आईईसी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो डॉ जितेंद्र सिंह ने बताया कि 1962 में स्थापित जेसको हेल्थकेयर कंपनी आज देश में सबसे बड़ी स्पाइनल इम्प्लांट निर्माता बहुराष्ट्रीय कंपनी है जिन्हें विभिन्न भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय मानकों जैसे डब्ल्यूएचओ-जीएमपी, यूएस एफडीए, भारतीय एफडीए की स्वीकार्यता प्राप्त है। दूसरी ओर एलाईन कंसल्टेंसी सर्विसेज कंपनी जनशक्ति प्रदान करने के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह समझौते छात्रों की शैक्षणिक तैयारी, छात्र प्रशिक्षण और पेशेवर कौशल में सुधार कर उन्हें नौकरी के लिए तैयार पेशेवरों में बदलने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जसवां-परागपुर : पूर्व कामगार एवम कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कहते है कि शादियों आदि कार्यक्रमो से कोरोना बढ़ता है और दूसरी तरफ अनुराग ठाकुर की रैली में खुलेआम कोरोना नियमो की धज्जियाँ उड़ाई गयी। जिला कांगड़ा मे ही नही बल्कि हिमाचल के कई जिलों मे आयोजित हुए केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के कार्यक्रमो मे सोशल डिस्टैन्सिंग तो दूर, अनुराग ठाकुर सहित अन्य जनता भी बिना मास्क के देखी गई। सुरिंद्र मनकोटिया ने कहा कि जहां हिमाचल पुलिस बिना मास्क घूमने वालो के चालान काट रही है और उक्त रैली मे सबको मास्क न पहने की छूट दे रखी थी। उन्होंने एक फ़ोटो शेयर करते पूछा क्या नियम सिर्फ जनता के लिए ही है। एक तरफ जहां बिलासपुर के झंडूता में तहसीलदार ओर थाना प्रभारी ने बिना मास्क घूम रहे लोगो के चालान काट दिए वही अनुराग ठाकुर की रैली में नियमो को ताक पर रख दिया गया। उन्होंने अनुराग ठाकुर से ये भी पूछा कि महंगाई कम तो हो नही रही मोदी सरकार से ? डीजल तेल पेट्रोल गेस बेरोजगारी चरम सीमा पर है अब तो सरसो का तेल भी इतना महंगा हो गया है कि युवा पकोड़े भी तल नही सकता। निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। अम्बानी ओर अडानी को फायदा पहुचाया जा रहा है। मोदी सरकार और अनुराग सिर्फ एक बात का उत्तर दे कि पुलवामा हमले में आजतक किसको गिरफ्तार किया है और इतना आरडीएक्स आया कहां से ? देश प्रदेश की जनता जानना चाहती है पुलवामा हमले के गुनहगार अभी तक पकड़े क्यों नही गए ।
कुल्लू : जिला मुख्याल्य स्थित सुल्तानपुर गंगेड़ी के देवता गुगा जाहरपीर ने कुल्लू शहर की परिक्रमा शुरू कर दी है। रक्षाबंधन के बाद देवता द्वारा शहर की परिक्रमा करना शुभ माना जाता है। वहीं श्रद्धालु बेस्ब्री से देवता द्वारा की जाने वाली परिक्रमा का हर साल इंतजार करते हैं और देवता का आशीर्वाद लेते हैैं। वहीं कारदार मनोज शर्मा ने बताया कि गुगा देवता जाहरवीर का (अष्टमी) रक्षा बंधन के दिन मन्दिर परिसर में देर शाम को छत्रढाल सजाया जाता है। रक्षा बंधन के अगले दिन गुगा देवता जाहरवीर शहर की परिक्रमा कर जन्माष्टमी से एक दिन पहले हारियान के साथ अपने परिसर पर लौटते हैं व रात्रि को मंदिर में गुगा देवता जाहरवीर का छत्र ढाल सजाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस दिन देवता शहर व गांव की परिक्रमा कर लोगों को आशीर्वाद देते हैं। उन्होंने बताया कि देवता की परिक्रमा रक्षाबंधन के अगले दिन मंदिर से शुरू होती है व शहर के साथ लगते गांव के साथ माता भेखली के मंदिर होते हुए सात दिन तक परिक्रमा करने के बाद देवता अपने मंदिर में लौटते हैं। मनोज शर्मा ने बताया कि मंदिर में नवमी के अवसर पर गुगा नवमी मनाई जाती है। इस दौरान दूर दूर से हजारों की संख्या में श्रृद्धालु देवता के मंदिर में शीश नवाकर आर्शिवाद लेते हैं। इस अवसर पर कारदार मनोज शर्मा, धीरज शर्मा, गोपाल शर्मा सहित समस्त हरियान सात दिन तक देवता की परिक्रमा के दौरान शरीक हुए।
जिला कांगड़ा के चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का 16वां दीक्षांत समारोह सोमवार को आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने की, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित हुए।राज्यपाल ने अपने संबोधन में युवा विज्ञानियों और डिग्रीधारकों से अपील की कि वे रोजगार की तलाश के बजाय रोजगार प्रदात्ता बनें। इसके लिए उन्हें स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़ना चाहिए। उनके ज्ञान का लाभ समाज, विशेषकर कृषि समुदाय को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक योगदान के अलावा, वे राज्य के कृषि क्षेत्र में भी योगदान दें। युवा देश की सम्पदा हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। राष्ट्र तभी विकसित हो सकता है जब युवा केंद्रित, अनुशासित और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाएं। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन में अनुशासन, देशभक्ति, ईमानदारी और समर्पण जैसे मूल्यों को विकसित करने का आग्रह किया। श्री आर्लेकर ने कहा कि अनुसंधान और तकनीक के माध्यम से नवाचार बड़े पैमाने पर कृषि समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होगा। राज्यपाल ने स्वर्ण पदक विजेताओं, सभी डिग्रीधारकों और पूर्व विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार द्वारा 1 नवम्बर, 1978 को विश्वविद्यालय के रूप में रोपा गया यह पौधा आज देश में उच्च शिक्षा का केंद्र बन गया है। शांता कुमार की इस परिकल्पना को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है और इस दिशा में योगदान देना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार की दिशा में अपनी भूमिका बखूबी निभा रहा है। पिछले साल भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् ने इस विश्वविद्यालय को देश के सभी कृषि विश्वविद्यालयों और समकक्ष कृषि संस्थानों में 14वें स्थान पर आंका, जिसके लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन बधाई का पात्र है। उन्होंने विश्वविद्यालय को और अधिक कार्य करने की सलाह दी ताकि यह विश्वविद्यालय देश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर सके। राज्यपाल ने कहा कि स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थी समाज, राष्ट्र और राज्य के लिए समर्पण की भावना से कार्य करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय से अर्जित शिक्षा और ज्ञान का भरपूर उपयोग करें। मुख्यमंत्री ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय देश के हिमालयी राज्यों के कृषि अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी विश्वविद्यालयों में एक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 90 प्रतिशत जनसंख्या ग्रामीण क्षेत्रों में रहती जिसका मुख्य व्यवसाय कृषि है। इसलिए प्रदेश की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए कृषि क्षेत्र में अनुसंधान और अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के बिना प्रदेश के विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। कृषि के इस योगदान को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने उत्पादन में सुधार, रोजगार के अवसर सृजित करने और परिवार की आय को बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं।जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी कृषि क्षेत्र ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस महामारी का वैश्विक अर्थव्यवस्था का प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है लेकिन कृषक समुदाय ने यह सुनिश्चित किया कि देश की घटती अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सशक्त नेतृत्व मिल रहा है और उन्होंने इस संकट की घड़ी से देश को सफलतापूर्वक बाहर निकाला है। विभिन्न बाधाओं के बावजूद प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित किया है कि देश पीपीई किट्स, वेटिंलेटर और दवाई जैसी आवश्यक वस्तुओं में आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि आज देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के कृषक समुदाय के कल्याण के लिए चिन्तित हैं और महामारी के दौरान विशेषकर किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई है। इस योजना के अन्तर्गत राज्य के 9.32 लाख किसानों को 1 हजार 350 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। प्रदेश सरकार रसायनों के न्यूनतम प्रयोग व कम निवेश से किसानों की आय को बढ़ाने के लिए प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना का क्रियान्वयन कर रही है। प्रदेश के सभी जिलों में जिका परियोजना क्रियान्वित की जा रही है जिससेे फलों और सब्जियों के अंतर्गत क्षेत्र बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने फसलों को बन्दरों, जंगली जानवरों और बेसहारा पशुओं से बचाने के लिए मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने पूर्ण राज्यत्व के 51वें वर्ष में प्रवेश किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय को कृषि क्षेत्र में प्रदेश की यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसलों की पैदावार बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों का अधिक उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कृषि उत्पादन तकनीकों, विभिन्न फसलों की किस्मों, भूमि और जल प्रबंधन, जैविक संसाधनों के उपयोग व संरक्षण, जल भण्डारण, रोग और कीट नियंत्रण तकनीकों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान न केवल अतिआवश्यक है, बल्कि यह किसानों की आर्थिकी को भी सुदृढ़ करेगा। यह विश्वविद्यालय देश में अग्रणी और प्रमुख कृषि विश्वविद्यालय बनकर उभरा है जिसका श्रेय विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण को जाता है। उन्होंने मेडल और अवार्ड विजेता विद्यार्थियों के उज्जवल और सफल भविष्य की कामना की। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के डिजी-लाॅकर और वेबसाइट के अपडेटड वर्जन का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जैनेटिक्स एण्ड प्लांट ब्रिडिंग विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डाॅ. राजन कटोच द्वारा लिखित पुस्तक राइसबीनः एक्सप्लाॅयटिंग द न्यूट्रिशनल पोटेंशियल आॅफ एन अण्डरयूटिलाइजड लैग्यूम, आर.एस. चन्देल द्वारा लिखित पुस्तक पेस्ट्स आॅफ फ्रूट एण्ड प्लांटेशन क्राॅप्स, डाॅ. आर.के. राजू द्वारा लिखित मेज-गोल्डन ग्रेन आॅफ हिमाचल प्रदेश और विश्वविद्यालय की संयुक्त रिपोर्ट का भी इस अवसर पर विमोचन किया गया। इससे पूर्व, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में 1.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हरित अतिथि गृह का लोकार्पण किया। पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि 43 वर्ष पूर्व उनके मुख्यमंत्रीत्व काल के दौरान इस विश्वविद्यालय की स्थापना की गई थी। इन वर्षों में इस विश्वविद्यालय ने देश के कृषि विश्वविद्यालयों के मध्य अपना एक विशेष स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों के विज्ञानियों के परिश्रम और अनुसंधान का ही परिणाम है कि आज भारत अन्न उत्पादन में आत्मनिर्भर है, जिसके परिणामस्वरूप कोरोना महामारी के दौरान देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन प्रदान करवाया गया। उन्होंने कहा कि कत्र्तव्य के प्रति समर्पण बलिदान नहीं बल्कि हमारे जीवन का भाग है इसलिए हमें दूसरों तथा समाज के लिए जीना चाहिए ताकि अपने जीवन को सार्थक बना सकें। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने मेडल विजेताओं और डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि यह उनकी मेहनत और समर्पण का फल है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र द्वारा सुदृढ़ आधार प्रदान करने के फलस्वरूप कोरोना महामारी के दौरान भी प्रदेश की आर्थिकी स्थिर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वर्ष 2022 तक देश के किसानों की आय दोगुना करने की परिकल्पना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कृषि वैज्ञानिकों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय देश में कृषि क्षेत्र के विश्वविद्यालयों मेें अग्रणी है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरिन्दर कुमार चौधरी ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह में 393 विद्यार्थियों को डिग्रियां आबंटित की गईं हैं जिनमें से 262 स्नातक, 110 स्नातकोत्तर और 21 पीएचडी धारक हैं। विश्वविद्यालय के आठ विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए जबकि दो पूर्व विद्यार्थियों नन्द लाल शर्मा और तिलक राज शर्मा को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अनुसंधान व शैक्षणिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस स्वर्ण जयंती वर्ष से विश्वविद्यालय विभिन्न राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ हिमाचल के 51 स्थानीय उत्पादों के पंजीकरण का कार्य आरम्भ करेगा। कृषि मंत्री वीरेन्द्र कंवर, विधायक अरूण मेहरा, मुल्ख राज प्रेमी व रविन्द्र कुमार, अध्यक्ष वूलफेड त्रिलोक कपूर, अध्यक्ष मिल्कफेड निहाल चन्द शर्मा, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, डाॅ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति प्रो. परविन्दर कौशल, सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक नन्द लाल शर्मा, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, विद्यार्थी और पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों के अभिभावक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
हमीरपुर जिला को जिला कांगड़ा से जोड़ने वाले व्यास नदी के पुल पर एक युवक के कपड़े, मोबाइल और चप्पल मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि उक्त युवक ने नदी में छलांग लगा दी है। पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच करने में जुटी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भलेठ निवासी एक 21 वर्षीय युवक के कपड़े और अन्य सामान व्यास नदी के पुल पर बरामद हुए हैं। सुजानपुर एसएचओ सतपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि पुल पर एक युवक के कपड़े मिले हैं। जांच करने पर पाया कि उक्त कपड़े और मोबाइल भी भलेठ निवासी एक युवक के हैं जो कि रविवार रात्रि अपने घर से चला गया था। सुबह जब लोग व्यास नदी के पुल पर सैर करने के लिए निकले तो उन्हें पुल पर कपड़े मोबाइल और चप्पल दिखे जिसकी सूचना उन्होंने अन्य लोगों को दी। मामले की जानकारी मिलते ही सुजानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। एसएचओ सतपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस हर एंगल से छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि युवक के घर से पुल तक जाने वाले रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है।
हमीरपुर : जन आशीर्वाद यात्रा सोमवार को हमीरपुर में गांधी चौक पहुंची जहाँ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल, मंत्री वीरेंद्र कंवर, विक्रम ठाकुर, राजिंद्र गर्ग, उप सचेतक कमलेश कुमारी, विधायक नरेंद्र ठाकुर, संजीव कटवाल, अजय राणा, सुमित शर्मा, नरेंद्र अत्रि, नवीन शर्मा, वंदना विशेष रूप में उपस्थित रहें । सुरेश कश्यप ने सम्मेलम को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमीरपुर के लिए खुशी का दिन है, हमीरपुर का बेटा अनुराग ठाकुर आज हमीरपुर के प्रवास पर है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल को बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार से अनुराग ठाकुर को केंद्र में इतने विशेष मंत्रालय से नवाजा गया है उससे पूरे देश और दुनिया मे हिमाचल का नाम रोशन हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल को इस बड़े मान सम्मान के लिए धन्यवाद किया। अनुराग ठाकुर ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा की आपके आशीर्वाद से ही मैं केंद्र में अच्छा काम कर सका, आपने मुझे बल दिया तो मैंने काम किया। आप सबने मुझे 4 बार का सांसद बनाया और मुझे मेरी नई पहचान दी। जब मैं भाजपा युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष था तब आप नौजवानो ने मुझे ताकत दी जब लाल चौक की यात्रा बुलाई तब भी आप आए। उन्होंने कहा कि हमारी बहनों ने दिन रात पार्टी के लिए काम किया और मुझे जिताया। यात्रा के चलते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रक्षा बंधन पर घर नहीं गए, जो हमारे पार्टी के कार्यकर्ता नही है वो भी आगे आकर हाथ हिला कर हमें आशीर्वाद दे रहे है। उन्होंने कहा जन आशीर्वाद यात्रा ने एक जन आंदोलन का रूप लिया है, आज बज़ुर्गों ने भी यात्रा का इंतज़ार किया, अपने आर्शीवाद दिया गले भी लगाया। उन्होंने कहा अनुराग ठाकुर को यह बड़ी जिम्मेदारी, मान सम्मान नही पूरे हिमाचल को मिला है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर क्षेत्र का सांसद होना मेरा सौभग्य है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल की मेहनत है की पूरे प्रदेश में 40 साल पूर्व के कार्यकर्ता भी हमें मिले रहे है और आशीर्वाद दे रहे है। आज हमारे बुजुर्ग खुश है की केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है और डबल इंजन की सरकार प्रदेश में चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को पूरे विश्व मे सशक्त बनाया है। कोविड के समय आज पूरे देश मे 55 करोड़ लोगों को वैक्सीनशन लग चुकी है यह बहुत तेज गति है। उन्होंने कहा मैं एक चीज आपसे मांगने आया हूं कहीं पर मेरे कदम डगमगा जाए तो मुझे बता देने की प्रदेश की सेवा में मेरी ओर से कोई कमी ना आए।उन्होंने कहा की हिमाचल को देव भूमि के साथ-साथ खेल भूमि भी बनाएंगे। प्रेम कुमार धूमल ने मंत्री अनुराग ठाकुर को आशीर्वाद देते हुए यात्रा को शुभकामनाएं देकर रवाना करवाया।
डॉ.वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 2021-22 शैक्षणिक सत्र के लिए बागवानी, वानिकी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि व्यवसाय और व्यापार प्रबंधन कार्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रमों के लिए आवेदन करने के इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल पर अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है । इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट या प्रवेश पोर्टल https://www.ysuniversity.ac.in/yspuniversity/ पर लॉग इन करके आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। बीएससी (ऑनर्स) बागवानी, बीएससी (ऑनर्स) वानिकी और बी टेक जैव प्रौद्योगिकी जैसे स्नातक कार्यक्रमों(सामान्य और स्व-वित्तपोषित सीटों) के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर है। एम एससी/ एमबीए (कृषि व्यवसाय)/ एमबीए और पीएचडी प्रोग्राम के लिए छात्र 25 सितंबर 2021 तक आवेदन कर लें। इस वर्ष, विश्वविद्यालय भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की प्रवेश परीक्षा के स्कोर के आधार पर अपने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रम में एडमिशन देगा। यह परीक्षा राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय के बीएससी (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर, बीएससी (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री और बीटेक बायोटेक्नोलॉजी की सामान्य सीटों पर प्रवेश राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित ICAR-AIEEA (UG) 2021 में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा। इसी तरह, स्नातकोत्तर कार्यक्रम- एमएससी/एमबीए (कृषि व्यवसाय) और पीएचडी में प्रवेश भी क्रमशः ICAR AIEEA (PG) और AICE-JRF/SRF में प्राप्त अंकों के आधार पर मिलेगा। वह उम्मीदवार, जो विश्वविद्यालय की स्नातक कार्यक्रम की सेल्फ-फाइनेंसिंग सीटों और एमबीए (सामान्य) के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें आईसीएआर परीक्षा नहीं देनी होगी। हालांकि, उन्हें विश्वविद्यालय के ऑनलाइन आवेदन पत्र को भरना होगा। स्नातक कार्यक्रम की सेल्फ-फाइनेंसिंग सीट पर प्रवेश, योग्यता परीक्षा की मेरिट के आधार पर मिलेगा। एमबीए (सामान्य) के लिए HP MAT परीक्षा की योग्यता के आधार पर प्रवेश मिलेगा, जिसके बाद विश्वविद्यालय में ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू होगा। पीएचडी प्रबंधन में प्रवेश, योग्यता परीक्षा (एमबीए) की मेरिट के आधार पर होगा। संबंधित आईसीएआर परीक्षाओं में भाग लेने के अलावा, उम्मीदवारों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.yspuniversity.ac.in पर जाकर विश्वविद्यालय का ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना अनिवार्य है। जो उम्मीदवार आईसीएआर प्रवेश परीक्षा में भाग नहीं लेता है या विश्वविद्यालय के ऑनलाइन आवेदन पत्र को जमा करने में विफल रहते हैं, वो एडमिशन के लिए पात्र नहीं होंगे। आईसीएआर परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय द्वारा वेबसाइट पर ऑनलाइन काउंसलिंग के कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। ऑनलाइन मोड के अलावा अन्य आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
देहरा : देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि स्वर्ण मोर्चा संगठनात्मक जिला देहरा की कार्यकारिणी ने प्रदेश सलाहकार रविन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश में सवर्ण आयोग के गठन के बारे में कुण्डलीहार में ज्ञापन सौंपा वहीं हिमाचल प्रदेश में जल्द से जल्द सवर्ण आयोग के गठन हेतु आग्रह किया गया। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र देहरा, जसवां:परागपुर, ज्वालामुखी से लगभग 150 कार्यकर्ता केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले। जिला देहरा कार्यकारिणी ने अपनी मांग को पूरे जोर-शोर से मंत्री अनुराग ठाकुर के आगे उठाया। इस मौके पर प्रदेश सचिव सुमित वालिया, देहरा क्षत्रिय संग़ठन अध्यक्ष अंकुश, स्वर्ण मोर्चा अध्यक्ष देहरा रमन शर्मा, सचिव स्माइल ठाकुर, सतविंदर गुलेरिया, राजन शर्मा, सलाहकार सुमित, यश पठानिया, पुष्पिंदर चौहान, सुशील ठाकुर, अनिकेत, संदीप कुमार, नीरज राणा नीलू, रमन सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
विकासखंड कुनिहार के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश शिवा प्रोजेक्ट के सौजन्य से गांव ग्याणा में अनार फल के पौधों का रोपण कार्य शुरू किया गया।पौधरोपण का यह कार्यक्रम डिप्टी डायरेक्टर सोलन राजेंद्र शर्मा, एसएमएस राजेंद्र वर्मा, एचडीओ शगुन, एएचडीओ प्रेम कालिया एवं एचईओ संतोष शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम में ग्याणा गांव के सभी लोग मौजूद रहे। इस प्रोजेक्ट के तहत जसोदा रघुवंशी, उमादेवी, नरेश ठाकुर, नागेश ठाकुर, चमन लाल ठाकुर इत्यादि बागवान लाभान्वित होंगे। इन सभी बागवानों द्वारा इस सहायता के लिए सरकार का धन्यवाद किया गया।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में एनएसएस इकाई ने औषधीय पौधे रोप का पौधरोपण किया। मीडिया प्रभारी अमर सिंह वर्मा प्रवक्ता इतिहास ने जानकारी देते हुए बताया कि एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनिता कौंडल के दिशा निर्देश पर गांव धुंदन (पठियार) में स्थानीय महिलाओं लता देवी, अंजु, शीला, मीरा, यशोदा व अन्य के सहयोग से औषधीय पौधे लगाए गए। गांव की महिलाओं ने लगाए गए पौधों की देख रेख करने का आश्वासन भी दिया। उप प्रधानाचार्य प्रकाश बट्टू ने कार्यक्रम अधिकारी की इस कार्य के लिए सराहना की।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले उप निर्वाचन के दृष्टिगत आदर्श आचार संहिता की अनुपालना में राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों का सहयोग सुनिश्चित बनाने के लिए गठित जिला स्तरीय स्थाई समिति का विस्तार किया है। यह समिति जिला दण्डाधिकारी सोलन की अध्यक्षता में गठित की गई है। सहायक आयुक्त सोलन को समित का नोडल अधिकारी एवं संयोजक नियुक्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक सोलन, पुलिस अधीक्षक बद्दी, क्षेत्रीय वन अधिकारी (मुख्यालय), जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सोलन के परियोजना अधिकारी, लोक निर्माण विभाग सोलन तृतीय वृत के अधीक्षण अभियन्ता, जल शक्ति विभाग सोलन के अधीक्षण अभियन्ता, प्रदेश विद्युत बोर्ड सोलन वृत के अधीक्षण अभियन्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन, जिला लोक सम्पर्क अधिकारी सोलन तथा जिला सोलन के सभी मान्यता प्राप्त एवं पंजीकत दलों के प्रतिनिधि समिति के सदस्य हैं। उपमण्डलाधिकारी सोलन, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट, उपमण्डलाधिकारी कसौली, तहसीलदार सोलन, तहसीलदार नालागढ़, तहसीलदार कण्डाघाट, तहसीलदार कसौली तथा तहसीलदार बद्दी को समिति का नया सदस्य अमित किया गया है। 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निवार्चन में आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन की सभी शिकायतों का निपटारा इस समिति द्वारा किया जाएगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन द्वारा 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन के प्रशिक्षण के लिए प्रयुक्त होनेे वाले टैंट, टेबल, कुर्सी तथा भोजन, चायपान एवं हल्के आहार इत्यादि के लिए इच्छुक फर्मों से 26 अगस्त प्रातः 11.00 बजे तक निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। निविदाएं 26 अगस्त प्रातः 11.00 बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के तहसीलदार (निर्वाचन) को प्रस्तुत की जानी हैं। प्राप्त निविदाएं 26 अगस्त को ही दिन में 03.00 बजे खोली जाएंगी। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के तहसीलदार (निर्वाचन) से प्राप्त की जा सकती है।
प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी बड़ोग फीडर के कार्य के कारण 11 केवी रबौण फीडर की विद्युत आपूर्ति 25 अगस्त, 2021 को बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां विद्युत बार्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इस कारण 25 अगस्त, 2021 को प्रातः 09.00 बजे से सांय 06.00 बजे तक वशिष्ट काॅलोनी, रबौन के कुछ क्षेत्रों सहित आस-पास के इलाके में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
लाहौल-स्पीति: डॉ यशवंत सिंह परमार औद्योगिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के लाहुल-स्पीति कृषि केंद्र ताबो के वैज्ञानिकों की ओर से रंगरिक गांव में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। केंद्र का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि की नई तकनीकों के बारे में जागरूक करना है। कृषि विज्ञान केंद्र ताबो की वैज्ञानिक डॉ मीना ( फल विभाग) ने किसानों को संरक्षित खेती के लाभ और उसे जुड़ी सभी आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे है 25 किसानों को स्ट्रॉ बैरी के रनर भी वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती करे तो उनका मुनाफा दोगुना होने में अधिक समय नहीं लगेगा। इसके साथ फसल तैयार करने में लागत भी कम आएगी। शिविर में किसानों को संबोधित करते हुए डॉ सविता ने किसानों, स्वयं सहायता समूहों को फलों और सब्जियों से बनने वाले खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी प्रस्तुत की। इन खाद्य पदार्थों में चटनी, आचार, जैम, मुरब्बा, जूस आदि बनाया जा सकता है।
मनाली में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की आगामी लोकसभा उपचुनावों को लेकर बैठक की गई। कांग्रेस के सैंकडों कार्यकर्ताओं की मनाली माल रोड में काफी भीड उमड़ी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर द्वारा कांग्रेस के हर एक कार्यकर्ता की बात को ध्यान से सुना गया। मनाली विधानसभा कांग्रेस के सभी प्रदेश, जिला, ब्लॉक के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा की एकजुटता के साथ आगामी होने वाले लोकसभा उप चुनावों में हिस्सा लिया जायेगा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को विजय दिलाई जाएगी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने इस अवसर पर कांग्रेस के सभी नेताओं को एकजुट होने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुटता से आने वाला मंडी संसदीय क्षेत्र का उपचुनाव और 2022 का विधानसभा चुनाव जीतेग।
शिमला के जतोग छावनी के समीप आज सुबह एक बड़ी चट्टान गिर गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि इस भूस्खलन से साथ लगते आईपीएच पानी के टैंक सहित आप-पास के लोगों के घरों पर खतरा बना हुआ है। दरसल जतोग छावनी से सटे हथिनी की धार के समीप ही एक व्यक्ति अपने घर का निर्माण कार्य करवा रहा है। घर के निर्माण के लिए जमीन को खोदा जा रहा था। जमीन की खुदाई के चलते नीचे का आधा हिस्सा लोगों के घरों की तरफ पहुच गया। भूस्खलन से एक बड़ी चट्टान और मलवा घर के सामने आ गया। जिससे साथ लगते आईपीएच.पानी की टंकी, बिजली व मकानों को खतरा बना हुआ है। आस-पास के लोगों में भी ख़ौफ़ का माहौल है। शिमला के उपनगर संजोली, पंथाघाटी, खलिनी में भी जगह जगह पेड़ व भूस्खलन हुआ है। जिससे सोमवार सुबह ही सड़को पर ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ा।
काँगड़ा : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशिर्वाद यात्रा रविवार को ज्वालामुखी, देहरा और जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। इस अवसर पर उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं ज्वालामुखी के विधायक और पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने उनका स्वागत किया। ज्वालामुखी, कुंडलिहार और रक्कड़ में जनसभाओं को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी और आगे भी प्रदेश के विकास में किसी प्रकार की कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनको दी गई यह जिम्मेदारी पूरे प्रदेश के लिए सम्मान है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 25 स्थानों में क्षेत्र की जनता ने पूरी गर्मजोशी से केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। लोगों का हुजूम और स्नेह को देखकर उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में आजतक ऐसा वातावरण नहीं देखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की जनता का आशिर्वाद लेने के लिए उन्हें यहां भेजा और प्रदेश की जनता ने उनकी कल्पना और अपेक्षा से अधिक स्नेह दिया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, भाजपा प्रदेश महासचिव त्रिलोक कपूर, ज़िला भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा, मण्डल अध्यक्ष ज्वालामुखी मानसिंह राणा, मंडलाध्यक्ष जसवां परागपुर विनोद शर्मा, मंडलाध्यक्ष देहरा निर्मल सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
काँगड़ा: संस्कृत दिवस पर जिलास्तरीय संस्कृत श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता, हर-घर-पाठशाला, संस्कृत शिक्षक परिषद्, हिमाचल संस्कृत अकादमी तीनों संस्थाओं द्वारा संस्कृत दिवस पर आयोजित जिलास्तरीय संस्कृत श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कांगड़ा जिला के विभिन्न विद्यालयों से 40 छात्रों एवं 20 शिक्षकों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का आयोजन गूगल मीट के माध्यम से किया गया। हिमाचल संस्कृत अकादमी के सचिव डॉ केशवानन्द कौशल ने इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। छात्रों को सम्बोधित करते हुए कौशल ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है, जिसका प्रचार एवं प्रसार करना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर राजकीय संस्कृत शिक्षक परिषद् के प्रदेशाध्यक्ष डॉ मनोज शैल भी उपस्थित रहे। उन्होंने कोरोना काल में छात्रों के इस उत्साह की प्रशंसा की तथा छात्रों को संस्कृत के उपदेश दिए। प्रदेश के महासचिव डॉअमित शर्मा, आईटीसंयोजक डॉअमनदीप शर्मा, डॉ शिव कुमार, प्रतियोगिता के निर्णायक राजकुमार शर्मा, राजेश शर्मा कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
काँगड़ा: जसवां में स्वर्गीय आशाराम की पुण्य स्मृति में परिवार जनों के द्वारा कस्बा कोटला में टियाले का निर्माण करवाया गया। इस अवसर पर उनके सुपुत्र सौरव शर्मा ने बताया कि उनके पिता की इच्छा थी कि उनकी स्वर्गीय माता रमा देवी एवं स्वर्गीय पिता सालिग्राम की याद में टियाले का निर्माण करवाया जाए। इसी प्रण को निभाते हुए उन्होंने अपनी माता बृजबाला एवं ताया रवि दत्त शर्मा के साथ मिलकर टियाले का कार्य पूरा करके लोकार्पित किया। इस अवसर पर ग्राम वासी उनके साथ उपस्थित रहे तथा अंत में भण्डारे का आयोजन किया गया।
काँगड़ा: डाडासीबा में 22 अगस्त रविवार को रक्षाबंधन का पर्व बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध कर दीर्घायु के लिए मां ज्वाला से प्रार्थना की। इस दौरान जहां बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांध कर उनकी लम्बी उम्र की कामना की, वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों की रक्षा करने का वायदा कर उनको उपहार दिए। इस बार भी विदेशी राखियों का बहिष्कार कर बहनों ने स्वदेशी राखी अपने भाइयों की कलाई पर बाँधी। गांव डाडासीबा की रिया और सिया ने बताया कि इस बार हमने अपने भाई अनमोल की कलाई पर हाथ से बनी स्वदेशी राखी ही बांधी है।
दाड़लाघाट : भारतीय जनता पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक करनैल राणा द्वारा दाड़लाघाट के निवासी ओमप्रकाश गौतम को सोलन जिला का सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का संयोजक बनाए जाने पर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। एक सादे समारोह में ओम प्रकाश गौतम का इस नियुक्ति पर फूल मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस नव नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए तथा अभिनंदन करते हुए क्षेत्र के भाजपा जिला सचिव राकेश गौतम,अर्की भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओपी गांधी, जयनंद शर्मा, ओबीसी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र चौधरी, बंटू शुक्ला, कृष्ण चंद भट्टी, प्रेम शर्मा, पवन गौतम, नरेश गौतम, धनीराम चौहान, नरेश गिट्ठू, खेम चंद भोला इत्यादि ने अर्की भाजपा मंडल अध्यक्ष डीके उपाध्याय एवं प्रदेश के हिमको फेडरेशन के चेयरमैन रतन सिंह पाल का धन्यवाद किया है।
अशोका चक्र से सम्मानित शहीद मेजर सुधीर वालिया की बहन के लिए रविवार को रक्षाबंधन का दिन एक भावुक पल था। 20 सालों के लंबे इंतजार के बाद यह पहला मौका था की शहीद मेजर सुधीर वालिया की बहन आशा वालिया ने पालमपुर में शहीद भाई की प्रतिमा स्थापित होने के बाद पहली बार आज प्रतिमा पर भाई को राखी बांधी और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर शहीद मेजर सुधीर वालिया की बहन आशा वालिया ने देश की सुरक्षा में डटे भारतीय जवानों और हर भाई की लंबी उम्र की कामना की और रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस मौके पर शहीद की बहन आशा वालिया के साथ ऋषिका, जैस्मिन तथा बहनोई परवीन आहलूवालिया प्रतिमा स्थल पर उपस्थित रहे।
पालमपुर : हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला कांगड़ा इकाई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हर्षवर्धन राणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार से भेंट की। हिमाचल प्रदेश प्रवक्ता संघ ने विपिन सिंह परमार के निवास ननाओं में उनसे भेंट की। विधान सभा अध्यक्ष ने प्रवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हर्षवर्धन राणा को अध्यक्ष पद पर निर्वाचन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर्षवर्धन राणा के नेतृत्व में प्राध्यापक संघ और मजबूत होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को सम्मनित करते हुए संघ के पदाधिकारियों को उनकी समस्याओं और मांगों को सुलझाने के लिये हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मी सरकार की रीढ़ के रूप में कार्य करते हुए सरकार की कल्यणकारी योजनाओं और नीतियों को आम आदमी तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार समय समय पर सरकारी कर्मियों की यथासंभव मांगों को पूर्ण किया है और करोड़ों रुपये वितीय लाभ भी समय समय उपलब्ध करवाए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने संघ को भरोसा दिलाया कि अध्यापकों की जो भी समस्याएं और मांगे हैं, उन्हें सुलझाने में सहयोग किया जाएगा तथा सरकार के समक्ष उनकी समस्याओं को पुरजोर तरीके से रखकर हल करवाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनिल नाग, विजय शर्मा निवर्तमान अध्यक्ष राकेश भढ़वाल, धीरज व्यास, विजय राणा, सतीश स्याल, सतीश कटोच, लेखराज, मिलाप, संजय सूद, अकाश दीप शर्मा ,सिकंदर मिन्हास , राजकुमार, सुधीर गुलेरिया सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
शिमला : भाषा एवम संस्कृति विभाग जिला शिमला द्वारा संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत श्रावणी पूर्णिमा व संस्कृत दिवस की पूर्व संध्या पर गेयटी थियेटर के कांफ्रेंस हॉल मे संस्कृत विद्वानों की लेखक गोष्ठी व कवि सम्मेलन का आयोजन करवाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ संस्कृत विद्वान डा मदन मोहन शर्मा ने की तथा जगत प्रसाद शास्त्री विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डा नंद लाल भारद्वाज ने संस्कृत भाषा मे मंच संचालन कर कार्यक्रम मे खूब तालियां बटोरी। इस अवसर पर डा मस्त राम शर्मा ने हिमाचल प्रदेशे संस्कृत भाषाया: उपदेयता विषय पर अपना पत्र वाचन किया। जिस पर उपस्थित विद्वानों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कवि गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। महेश्वर शर्मा ने संस्कृत भाषा की महत्ता पर सुंदर गीतिका प्रस्तुत की, आचार्य किशोरी लाल ने ज्योतिष व संस्कृत भाषा के संबध पर अपने विचार व्यक्त किए। डा नंदलाल भारद्वाज ने गौ माता विश्व माता पर मार्मिक काव्य पाठ किया। राजेश ठाकुर ने मैं कवि नहीं हूं व्यंग्यात्मक कविता प्रस्तुत की। युवा कवि नरेश कुमार ने विकास के नाम पर किए जा रहे अंधाधुंध वनों के कटान पर वृक्ष की व्यथा पर मार्मिक काव्य पाठ कर वनों को बचाने का संदेश दिया। डा मस्त राम शर्मा ने संस्कृत भाषा की महिमा में संस्कृत भाषा को वेद वाणी, देव वाणी, सभी भाषाओं की जननी, जन्म से मृत्यु तक के सभी संस्कारों की भाषा के साथ -साथ संस्कृति जैसी लिखी जाती है वैसी ही बोली भी जाती है। उन्होंने संस्कृत भाषा में शंकर की स्तुति भी प्रस्तुत की। जगत प्रसाद शास्त्री ने संस्कृत भाषा के वर्चस्व को बचाए रखने के लिए संस्कृत व हिन्दी भाषा को एक -दूसरे का पूरक मानते हुए मां बेटी का संबध बताया तथा हिन्दी को राष्ट्रभाषा के रूप में अपनाए जाने पर ही संस्कृत भाषा का वर्चस्व बनाए रखने पर बल दिया। इन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों पर कुठाराघात करते हुए शानदार काव्य के माध्यम से अपने मत को रखा। डा मदन मोहन शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्कृत भाषा के उन्नयन के लिए आयोजित किए जाने वाले ऐसे आयोजनों से इस विषय के विद्वानों, युवा लेखकों, चिंतकों को अपने विचार सांझा करने के लिए मंच मिलता है। ऐसे आयोजन संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों की छुपी प्रतिभा मे निखार लाने में सहायक होगे। उन्होंने संस्कृत भाषा को सबसे मधुर भाषा कहा तथा विकास के नाम पर प्रकृति के साथ हो रहे अत्यधिक दोहन के कारण हो रही भूस्खलन की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। इस अवसर पर सभी को श्रावणी पूर्णिमा, संस्कृत दिवस व रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला के दर्जन भर साहित्यकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में जिला भाषा अधिकारी शिमला अनिल हारटा ने कार्यक्रम मे उपस्थित विद्वानों का धन्यवाद किया।
कोटखाई : रविवार के दिन कोटखाई पुराना बस अड्डा में अपनी दुकान चला रहे व्यापारी ओम दत्त शर्मा जो एक ढाबा मालिक हैं। ओम दत्त शर्मा अपना रोजाना का कार्य कर रहे थे और अचानक दुकान के बाहर पड़े एक बैग पर उनकी नजर पड़ी, पहले उन्होंने पूछताछ की कि यह किसका है जब कुछ पता ना चला तो सबसे पहले उन्होंने, कोटखाई से पत्रकार भरत ठाकुर को सूचित किया तथा वे दोनों पुलिस स्टेशन पहुंचे जहां उन्होंने प्राप्त हुए 15000 रुपय और कुछ कागजात की जानकारी पुलिस स्टेशन में दी, पुलिस अधिकारियों ने भी ओम दत्त शर्मा के इस सराहनीय कार्य के लिए उनकी प्रशंसा की तथा अन्य के लिए भी उन्हें एक प्रेरणा का स्त्रोत बताया। बता दें कि इस तरह के मामले कहीं ना कहीं समाज में एक अच्छी प्रेरणा लेकर आते हैं और लोगों को ईमानदारी की राह पर चलने की सीख देते हैं।
रोहड़ू : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से ही छात्र हित व समाज हित में कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। अपनी संस्कृति को बनाए रखने के लिए भारत में अनेकों त्योहार मनाये जाते है जिसे विद्यार्थी परिषद बड़े धूमधाम से मनाती है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सीमा इकाई ने आज रक्षाबंधन का पावन त्यौहार बड़े धूमधाम से मनाया। सीमा इकाई के कार्यकर्ताओं ने आज रोहड़ू में पुलिस विभाग के जवानों व एचआरटीसी के कर्मियों के साथ रक्षाबंधन मनाया। सीमा इकाई के उपाध्यक्ष भारती ने कहा कि रक्षाबंधन एक पावन व पवित्र त्योहार है। पुलिस के जवान जो हमारी सुरक्षा के लिए ड्यूटी पर तैनात रहते हैं उन सबको आज हमने रक्षा सूत्र बांधकर इस त्यौहार को बड़ी धूम-धाम से मनाया। साथ ही एचआरटीसी के कर्मियों को भी राखी बांधी।
हिमाचल : राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि सिंह वरिष्ठ राजनेता, दूरदृष्टा और कुशल प्रशासक थे। मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने गरीब, पिछड़े और समाज के सबसे निचले वर्ग के लिये बहुत काम किया। कठिन परिस्थितियों का सामना करने की उनमें अदभुत क्षमता थी और वह सच्चे धर्मानुयायी थे। जब वह राज्यस्थान के राज्यपाल थे तो कुछ समय के लिये उनके पास हिमाचल के राज्यपाल का भी अतिरिक्त कार्यभार रहा। समाज को दिये गए उनके योगदान को कभी बुलाया नहीं जा सकता। आर्लेकर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की है और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को प्रसिद्ध लेखिका, कहानीकार और फिल्म निर्माता डाॅ. देव कन्या ठाकुर द्वारा लिखित पुस्तक ‘मोहरा’ का विमोचन किया। पुस्तक हिमाचल प्रदेश में प्रचलित परम्पराओं को उजागर करने वाली दस कहानियों का एक सुन्दर संग्रह है। मुख्यमंत्री ने लेखिका के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वह अपनी कहानियों के माध्यम से पहाड़ी महिलाओं के संघर्षों और मनोदशाओं को चित्रित करने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि सभी कहानियां अच्छी तरह से रचित हैं, जो भाषा, शैली और स्वर में सरल हैं। इस अवसर पर बी.डी.सी. अध्यक्ष संगडाह मेला राम शर्मा सहित अन्य भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को रविवार को उनके सरकारी आवास ओक ओवर में भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने अध्यक्ष रश्मि धर सूद की अध्यक्षता में रक्षा बन्धन के अवसर पर राखी बांधी। इस अवसर पर वन्दना गुलेरिया और मोर्चा की अन्य सदस्य भी उपस्थित थीं। ब्रह्मकुमारी व शिमला में रहने वाले तिब्बती समुदाय की प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को उनके सरकारी आवास पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बन्धन एकता का पवित्र पर्व है, जो भाई और बहन के बीच प्रेम को और अधिक प्रगाढ़ करता है।
कांगड़ा, मंडल ने जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत किया, जहाँ प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, मंत्री विक्रम ठाकुर, विधायक रमेश धवला, पूर्व विधायक रविन्द्र रवि एवं महामंत्री त्रिलोक जम्वाल उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं माँ ज्वाला के आशीर्वाद से आज इस पद पर हूं। उन्होंने कहा इस रक्षा बंधन के पावन त्योहार पर आशीर्वाद देने आए आप सब बहनों का दिल से धन्यवाद, मैं हमेशा इस पल को याद रखूंगा। उन्होंने कहा की भाजपा की धूमल सरकार ने रक्षा बंधन पर मुफ्त बस सेवा दी थी आज बसों में बड़ी संख्या में बहने अपने भाइयों को राखी बांधने जा रही है। उन्होंने कहा जब यह जन आशीर्वाद यात्रा प्रारंभ हुई तब हिमाचल भवन में 3 हज़ार लोगों ने हमारा स्वागत किया था। जिस प्रकार से यात्रा आगे बढ़ रही है, यात्रा का स्वरूप कल्पना से बढ़कर निकल कर आया है। उन्होंने कहा बारिश में इतनी बड़ी तादात में नौजवान निकल कर आए जो पूरी तरह भीग गए और छोटे छोटे बच्चे भी इस यात्रा में नारे लगा रहे थे। ऐसा मैन पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा ज्वालामुखी मंडल ने मुझे मेरे चुनावों में रिकॉर्ड लीड दी थी। आज नरेंद्र मोदी सरकार ने हिमाचल को देने में कोई कमी नही छोड़ी है और आगे भी कोई कमी नही आने देंगे। उन्होंने कहा हिमाचल देव भूमि है और हिमाचल को हम खेल भूमि भी बनाएंगे, जल्द नए खेल मैदानों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल को स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा लाभ दिया है। हिमाचल में डबल इंजन की चाल रही है और जल्द ही हम हिमाचल को देश का नंबर 1 राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार एवं पर्यटन को बढ़ावा देने का कार्य भी किया जाएगा, हमने धर्मशाला का स्टेडियम बनवाया जिससे कांगड़ा में पर्यटन के क्षेत्र में बड़ा विकास हुआ था। उन्होंने कहा हम हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को पूरे विश्व मे ले जाने का काम करेंगे। हमारे पास कला एवं संस्कृतिक क्षेत्र में आपार संभावनाएं है बस हमें मिल कर एक टीम की तरह काम करना है
दाड़लाघाट : राजकीय संस्कृत शिक्षक परिषद व संस्कृत अकादमी के सौजन्य से 19 अगस्त से 25 अगस्त तक संपूर्ण प्रदेश के विद्यालय में संस्कृत सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान संस्कृत से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजकीय उच्च पाठशाला बैरल में भी संस्कृत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर ग्रीटिंग कार्ड निर्माण प्रतियोगिता में हिमेश ने प्रथम स्थान व सुशील शर्मा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सूशील व द्वितीय स्थान भरत ने प्राप्त किया। शलोक लेखन प्रतियोगिता में सुशील ने प्रथम स्थान तथा भरत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में संदीप कुमार ने नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं राजकीय संस्कृत परिषद व संस्कृत अकादमी ने ऑनलाइन माध्यम से जिला स्तर पर संस्कृत गितीका तथा श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जिसमें राजकीय उच्च पाठशाला बैरल के छात्रों सुशील, मनीषा, ज्योति तथा हिमानी ने भाग लिया। जिसका परिणाम 25 अगस्त को आएगा। विद्यालय के मुख्य अध्यापक अशोक कुमार ने विजेता बच्चों को तथा संस्कृत अध्यापक देवराज को संस्कृत के प्रति बच्चों को प्रेरित करने के लिए बधाई दी।
सीमाओं पर डटे रह कर हमारे देश के असंख्य भाई-बहनों की रक्षा में तत्पर है आईटीबीपी के हमारे सैनिक भाई न केवल बाह्य बल्कि आंतरिक सुरक्षा प्रदान कर देश में शांति का वातावरण बनाए रखने में अपना बहुमूल्य योगदान प्रदान करते हैं। यह विचार आज राष्ट्र सेविका समिति हिमाचल प्रदेश की प्रांत संचालिका राज कुमारी सूद ने आईटीबीपी शोघी में अधिकारियों एवम् जवानों को रक्षासूत्र बांधने के उपरांत अपने संबोधन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा आपदा में भी बचाव व राहत के माध्यम से प्राथमिकता प्रदान करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सेवारत रहते हैं हमारे सैनिक भाई। विगत कई दशकों से राष्ट्र सेवा में लीन आईटीबीपी के जवानों ने अन्य सैनिकों के साथ-साथ देश सेवा के लिए अनेकों बलिदान दिए हैं, जिसके कारण आज हमारे देश में एकता, अखण्डता, प्रभुसत्ता व अक्षुणता बनी हुई है। राष्ट्र सेविका समिति की सभी बहनें अपने इन भाईयों को राखी बांधकर अपने आपको गौरवान्वित अनुभव कर रही है। उन्होंने कहा कि मां भारती की सेवा का सच्चा श्रेय देश के सैनिकों को जाता है, जो सभी भावों से भरकर मातृ भूमि की रक्षा के लिए सदैव अग्रसर है। आज हम देश की सीमाओं की स्थिति पर नजर डाले तो लगभग सभी दिशाओं से देश की सीमाओं को खतरा है किंतु आईटीबीपी के साथ-साथ सेनाओं के तीनों अंगों के सैनिकों के दृढ़ निश्चय और भारत भूमि की रक्षा के कृत संकल्प से भारतवासियों में सुरक्षा भाव भरा हुआ है। आईटीबीपी के हमारे यह सैनिक भाई रक्षा और सुरक्षा कार्य से इत्तर विकासात्मक गतिविधियों तथा बुनियादी चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए भी व्यापक अभियान छेड़े हुए हैं। इसके अतिरिक्त समाज में सार्वजनिक स्वच्छता, प्रौढ़ शिक्षा और बच्चों को शिक्षा प्रदान करने अथवा स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत चिकित्सा जांच शिविरों का आयोजन, लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्धता एवं अन्य सामाजिक समरसता के कार्यों में भी योगदान प्रदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन इनके द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आईटीबीपी के जवानों रक्षा सूत्र बांधने के इस पावन अवसर पर सह संचालिका कमलेश शर्मा प्रांत निधि प्रमुख सुरेखा शर्मा सह सेवा प्रमुख डॉक्टर अनुपम ठाकुर तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बहने तथा आइटीबीपी के डीआईजी प्रेम सिंह, कमांडेंट केदार सिंह रावत बड़ी संख्या में सैनिक जवान वा अधिकारी उपस्थित थे।
शिमला : आज भाई बहन के स्नेह प्यार का प्रतीक रक्षा बंधन पर्व है आज के दिन बहन अपने भाइयों के हाथों में रक्षा डोर बांधकर भाई की दीर्घायु और रक्षा की कामना करती है इसी कड़ी में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने छात्रा कार्यकर्ताओं के साथ बालूगंज पुलिस के जवानों की कलाइयों में राखी बांध रक्षा बंधन मनाया। मीडिया को जानकारी देते हुए इकाई मंत्री आकाश नेगी ने कहा कि कोरोना महामारी से निपटने में पुलिस के जवान देश भर में पहली पंक्ति में खड़े रहे है। उन्होंने कहा कि पूरे देश भर में आज रक्षा बन्धन को धूमधाम से बनाया जा रहा है। ये त्यौहार भाई बहन के रिश्ते को मजबूत बनाता है, एबीवीपी का हमेशा ही देश समाज के लिए कार्यरत लोगों के प्रति सम्मान भाव रहा है, पिछले लंबे अरसे से पुलिस के जवान कारोना महामारी से निपटने के लिए मुख्य धारा में काम कर रहे है। ऐसे में बहुत से पुलिस कर्मी आज के दिन भी घर नहीं जा पाए है, उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान देश सेवा में समर्पित रहे है, विद्यार्थी परिषद पूरे देश भर में आज सेना और पुलिस के जवानों के साथ रक्षा बंधन मना रही है, ताकि सेना और पुलिस के वे जवान जो रक्षा बन्धन के पावन अवसर पर घर नहीं जा पाए है उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में अपने परिवार कि कमी ना खले। विद्यार्थी परिषद् की छात्रा कार्यकर्ताओं ने आज देश भर में सेना और पुलिस के जवानों के हाथो में राखी बांध कर उनकी रक्षा की प्रार्थना की है। इस दौरान थाना प्रभारी लक्ष्मण ने मीडिया को बताया कि आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा राखी के इस त्यौहार में पुलिस प्रशासन को भाई मानते हुए इस विशेष दिन में रक्षा डोर बांधते हुए ये एहसास करवाया है कि वे घर से दूर नहीं है बल्कि समाज में पुलिस की सराहना और रक्षा बंधन और भारतीय संस्कृति को संजोए रखने की पहल भी की है पुलिस प्रशासन विद्यार्थी परिषद की इस मुहिम को बधाई देती है तथा सराहना करती है।
सोलन :रविवार को कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर जाबली के समीप क्रशर मोड़ पर निजी बस के सड़क में पलटने से कई सवारियां घायल हो गईं। घटना दोपहर बाद की बताई जा रही है, दरअसल कालका की ओर जा रही निजी बस को सेब से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है की ट्रक की ब्रेक फेल हो गई थी। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक सवारियों से भरी निजी बस से जा टकराया। टक्कर से ट्रक और बस दोनों हाईवे पर पलट गए। जिससे बस क्रशर मोड़ के पास सड़क में ही पलट गई। उसके बाद ट्रक भी सड़क में ही पलट गया। सूचना पाते ही धर्मपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। लगभग 20 घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी धर्मपुर ले जाया गया जिसमें से 6 घायलों को सोलन रेफ़र कर दिया गया है और 2-3 घायलों को फ़्रैक्चर बताया जा रहा है।
कुल्लू : हिमाचल प्रदेश में होने वाले उपचुनावों में चारों सीटें कांग्रेस पार्टी जीतेगी और भाजपा को इन चुनावों में पूरी तरह से शिकस्त दी जाएगी। यह बात कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने जिला मुख्यालय कुल्लू में पत्रकारों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लोकसभा सीट और 3 विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं जिसके लिए कांग्रेस पार्टी पूरी रणनीति बनाने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दृष्टिगत वह मंडी जिला का दौरा कर चुके हैं और अब कुल्लू जिला का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान आनी बंजार विधानसभा क्षेत्रों में वह कार्यकारिणी की बैठक ले चुके हैं और रविवार को जिला मुख्यालय कुल्लू में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उप चुनावों को जीतने के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई और पार्टी को मजबूत करने पर बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से चुनाव जीतने में सक्षम है और भाजपा को इन चुनावों में पूरी तरह से पछाड़ा जाएगा। राठौर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार से आम जनमानस पूरी तरह से तंग आ चुके हैं। मंहगाई आसमां छू रही है डिपो से राशन गायब हो रहा है और जनता को राहत देने के लिए यह सरकार कुछ नहीं कर रही है ऐसे में इन उपचुनाव में भाजपा का जीतना नामुमकिन है। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में फोरलेन प्रभावितों को चार गुना मुआवजा देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद यह सरकार अपना वादा भूल गई है। लिहाजा कांग्रेस पार्टी इन उप चुनावों में भाजपा को हर मोर्चे पर गिराने वाली है। प्रदेश अध्यक्ष से बात करना हर कार्यकर्ता का हक : प्रदेश कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आनी दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रदेश अध्यक्ष से बात कर सकता है लेकिन इस प्रकरण में गुटबाजी जैसा कोई भी पहलू नहीं है। उन्होंने कहा कि काग्रेस पार्टी एकजुट है और हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी पार्टी को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने इस दौरान पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करें ताकि कांग्रेस पार्टी और मजबूत होकर आगे बढ़ सके। इस मौके पर उनके साथ कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर सहित कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिमला : सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा आयोजित 10 दिवसीय योग शिविर का समापन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में हुआ। 10 दिनों तक चले इस योग शिविर में योगाचार्य रिंकू द्वारा विभिन्न योगाभ्यासों के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने की विधियां बताई गई। योग शिविर के समापन समारोह में डॉ नागेश ठाकुर व डॉ बीआर ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉक्टर नागेश ठाकुर ने लोगों को बताया की किस प्रकार से कोरोना महामारी के इस दौर में योग ने एक औषधि के रूप में अपनी व्यापकता सिद्ध की है। साथ ही डॉक्टर बीआर ठाकुर ने इस अवसर पर सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट के इस कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए सभी से आग्रह किया की योग को सभी लोग अपने जीवन का एक अभिन्न अंग बनाएं। योग शिविर के समापन समारोह में ट्रस्ट के सचिव डॉ सुरेंद्र शर्मा द्वारा बताया गया की कोरोना के इस विकट दौर में सुनील उपाध्याय एजुकेशन ट्रस्ट विभिन्न माध्यमों से समाज में सेवा कार्य कर रहा है। चाहे वह जरूरतमंदो को राशन सामग्री बांटने की बात हो या फिर इस दौर में योग शिविरों के माध्यम से लोगों की शारीरिक क्षमता को बढ़ाने तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की बात हो। सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट अपनी सामाजिक जिम्मेवारी बखूबी निभा रहा है तथा आने वाले समय में भी सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट समाज में ऐसे कार्य करती रहेगी।
जनजातीय लाहौल क्षेत्र में आपदा के समय त्वरित आपदा प्रबंधन को सुनिश्चित करने के दृष्टिगत लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने पहल करते हुए कार्य योजना पर कवायद शुरू कर दी है। भौगोलिक विषमताओं और मौसम की दुश्वारियों के चलते घाटी में आपदा प्रबंधन को लेकर दिक्कतें भी पेश आती रही हैं। हालांकि आपदा के बाद केंद्र और राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद तुरंत मुहैया की जाती रही है। लेकिन आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ या अन्य एजेंसी की टीमों के आगे यही भौगोलिक परिस्थितियां या मौसम बाधा बन जाता है और खोज, बचाव और राहत के कार्यों को शुरू करने में त्वरित प्रतिक्रिया नहीं हो पाती। इन्हीं परिस्थितियों को केंद्र में रखकर अब जिला प्रशासन ने डीडीआरएफ( जिला आपदा प्रतिक्रिया बल) के तौर पर 30 प्रशिक्षित वॉलंटियरों की टीम गठित करने का फैसला लिया है जो किसी आपदा की सूरत में त्वरित प्रतिक्रिया का दायित्व संभालेगी। लाहौल-स्पीति के उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन आथॉरिटी नीरज कुमार ने बताया कि यूएनडीपी के सिक्योर हिमालय प्रोजेक्ट के तहत इस वर्ष पर्वतारोहण के बुनियादी कोर्स के अलावा सर्च एंड रेस्क्यू पर आधारित कोर्स भी करवाया जाएगा। इस टीम में स्थानीय वॉलंटियरों को शामिल किया जाएगा ताकि वे प्रशिक्षित वर्कफोर्स के रूप में आपदा के समय कार्रवाई को अंजाम दे सकें। प्रशिक्षण के लिए इन वॉलंटियरों को लाहौल घाटी के परियोजना क्षेत्र से चयनित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय ये स्थानीय टीम निश्चित तौर पर अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि वॉलंटियरों का चयन करके इसकी सूची जल्द वन मंडल अधिकारी लाहौल वन मंडल को भेजी जा रही है ताकि उनका प्रशिक्षण शुरू किया जा सके।
तकनीकी शिक्षा, जनजातीय विकास और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ रामलाल मारकंडा ने उदयपुर पहुंचने पर विश्राम गृह में लोगों की समस्याओं को सुना। तत्पश्चात उन्होंने त्रिलोकीनाथ में जाकर ऐतिहासिक पौरी मेला के शुभारंभ पर होने वाली पारम्परिक रस्मों के निर्वहन में भी शिरक़त की। उन्होंने बताया की मेले हमारी संस्कृति का एक अहम हिस्सा हैं। पौरी मेला यहां का बहुत ही पुरातन एवं ऐतिहासिक मेला है। कोविड महामारी के कारण इस तरह के त्योहार एवं मेलों में मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए केवल पुरातन परम्पराओं का निर्वहन किया जा रहा है। उसी प्रकार से इस बार भी पौरी मेले का शुभारम्भ हुआ है। कल यहां से मणिमहेश के लिए पवित्र छड़ी यात्रा का जत्था रवाना होगा जोकि कुगती जोत होते हुए यात्रा करेगा। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों अतिवर्षा व बादल फटने की घटनाओं से इस क्षेत्र में कई सड़कों को नुकसान तथा यातायात अवरुद्ध हो गया था तथा काफ़ी लोग यहां फंस गए थे। व्यवस्था को पुनः सुचारू रूप से पटरी पर लाने के लिए वे स्वयं मौके पर डटे रहे थे तथा सभी सड़कों को बहाल कर दिया गया है। जुलाई माह में उदयपुर क्षेत्र में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री द्वारा 10 करोड़ की राहत राशि की घोषणा की गई है। इसके लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस राहत पैकेज से सड़क, सिंचाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था की बहाली में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा कुल्लू जिला के विधानसभा क्षेत्र कुल्लू में लगभग 40 करोड़ रुपए लागत की 14 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री खराब मौसम के कारण कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर नहीं जा पाये। जय राम ठाकुर ने तहसील कुल्लू के खराहल गांव में एक करोड़ 97 लाख रुपए की लागत से उठाऊ जलापूर्ति योजना तलोगी, मटारना और तराकड़ा के सुधार कार्य, भुंतर तहसील में 1.01 करोड़ रुपए की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना (एलआईएस) पिरडी और ग्राम पंचायत चैंग में 1.05 रुपए की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना फाटी चैंग का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 35.05 करोड़ रुपए लागत की विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास किए। इसमें ग्राम पंचायत चैपारसा में 1.71 करोड़ रुपए की लागत से लग वैली के शेष बचे गांव के लिए जलापूर्ति योजना, 5.67 करोड़ रुपए की लागत से ग्राम पंचायत मानगढ़ में जलापूर्ति योजना समालग, ग्राम पंचायत मशणा में जलापूर्ति योजना मशणा, ग्राम पंचायत चैपारसा में जलापूर्ति योजना ग्रामंग, ग्राम पंचायत बरामन में जलापूर्ति योजना डूगीलग-शिलधारी और ग्राम पंचायत फलाण में जलापूर्ति योजना फलाण, 9.62 करोड़ रुपए की लागत से ब्यास नदी से 16 टंकी शिलधारा उठाऊ जलापूर्ति योजना, तहसील कुल्लू में 2.95 करोड़ रुपए की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना (एलआईएस) न्यूली-थर्मान, तहसील कुल्लू में 1.91 करोड़ रुपए की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना न्यूली-थर्मान के सीएडी कार्य, उठाऊ सिंचाई योजना शमशी के लिए 2.11 करोड़ रुपए के सीएडी कार्य, तहसील कुल्लू की मोहल खड्ड पर 4.61 करोड़ रुपए की लागत से भण्डारण टैंक व रिचार्जिंग जलाशय, 97 लाख रुपए की लागत से ग्राम पंचायत कसोल में पीडबल्यडीूएसएस छलाल, कटागला, रशोल और चोंज के अतिरिक्त नए स्रोत व सुधार, तहसील कुल्लू में 1.58 करोड़ रुपए की लागत से जलापूर्ति योजना टील-संागचन और ब्राधा के संवर्धन, 3.07 करोड़ रुपए की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना शमसी के वितरण का नवीनीकरण कार्य और तहसील कुल्लू में 83 लाख रुपए की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना जिया के सीएडी कार्य शामिल हैं। शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी से लगभग 2 वर्ष प्रभावित होने के बावजूद, राज्य सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान राज्य का समान एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया है, उन्होंने कहा कि वह राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अपने दौरों के दौरान लोगों की सुविधा के लिए करोड़ों रुपए की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य के पांगी और भरमौर क्षेत्रों के दौरे के दौरान उन्होंने लगभग 450 करोड़ रुपए की लागत की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। विधायक बंजार सुरेन्द्र शौरी, जिला भाजपा अध्यक्ष भीम सेन, राज्य भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, एपीएमसी के सलाहकार रमेश शर्मा, भाजपा नेता युवराज बोध, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
दाड़लाघाट : पठानकोट से शिमला जा रही एचआरटीसी बस एचपी-38डी-0539 जब कराडाघाट की उतराई में थोड़ी दूर पहुँची तो बस के पट्टे टूट जाने से एक बड़ा हादसा होते टल गया। हादसा शनिवार को पेश आया लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक एचआरटीसी की बस पठानकोट से शिमला जा रही थी इस दौरान शाम करीब 4:45 बजे के आसपास कराडाघाट की उतराई में बस सड़क से नीचे पैराफिट में टकरा गई और बस का एक तरफ का टायर झूल गया। गनीमत यह रही कि चालक की सूझभबूझ से बस में बैठी सभी सवारियों की जान बच गयी। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार गाड़ी के पट्टे टूटने की वजह से यह हादसा हुआ। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर लिया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में किसी भी सवारी को कोई चोट नहीं पहुंची लेकिन बस का एक टायर पैराफिट में झूलने से सबके हाथ पांव फूल गए। अगर बस सड़क से नीचे लुढ़क जाती तो जान माल का भारी नुकसान हो सकता था। हादसे के समय बस में 25 से 30 सवारियां सफर कर रही थीं। यात्रियों को बाद में दूसरी बस में भेजकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
शिमला : समस्त उपमण्डलाधिकारी अपने अपने क्षेत्र में कम लागत के छोटे-छोटे कार्यों की सूची बनाए जिसका लाभ जन सामान्य के व्यापक वर्ग को सुनिश्चित किया जा सके। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने शनिवार को यह निर्देश जिला के सभी उप मण्डलाधिकारियों से विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परस्पर विमर्श के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि यह सूची सोमवार तक बनाकर उपायुक्त कार्यालय को भेजी जाए ताकि इस पर तुरन्त कार्य आरम्भ कर आगामी छः महीने के भीतर इन कार्यो को पूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थानीय नागरिकों, पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा सदस्यों या फिर निर्वाचित प्रतिनिधियों से भी विचार विमर्श किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों के बातचीत कर सूचना एकत्रित कर सूची तैयार कर सकते है। उन्होंने कहा कि यह सूची लोगों की मांग के अनुरूप तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यो में निर्माण, सड़क तथा अन्य कार्यो के अतिरिक्त छोटे छोटे कार्य शामिल होने चाहिए। उन्होंने जिला में विभिन्न क्षेत्रों में लगने वाले ऑक्सीजन प्लांटस की स्थिति का जायजा लेते हुए इसे 29 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस सम्बधं में 25 अगसत को समीक्षा बैठक कर स्थिति से अवगत करवाने के सम्बन्ध में भी उप मण्डलाधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्बंधित खण्ड चिकित्सा अधिकारी तथा सम्बद्ध एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर ऑक्सीजन प्लांट के कार्य को समय अवधि के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुरूप सभी उप मण्डलाधिकारी तथा खण्ड विकास अधिकारी अपने अपने क्षेत्र की पंचायत टास्क फोर्स को पुनः क्रियाशील करें ताकि पंचायत में प्रधान की देखरेख में वैक्सीनेशन, टेस्टिंग तथा कोविड मामलों के रोगियों की पहचान में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी प्रधानों के साथ बैठक कर इस संबंध में व्यापक कार्य योजना तैयार करे। उन्होंने कहा कि शादी समारोह, सामाजिक समारोह अथवा देव अनुष्ठान में लोगों की भीड़ न लगने दें। कोविड मानक संचालन नियमों की अनुपालना का कड़ाई से पालन करवाना सुनिश्चित करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के प्रति कठोर दण्डात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी उपमण्डलाधिकारी आगामी चार-पांच दिनों में अपने क्षेत्र में 18 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को शत प्रतिशत वेक्सिनेशन लगाना सुनिश्चित करें ताकि पांच दिन के भीतर शत प्रतिशत वेक्सिनेशन रिपोर्ट सरकार को प्रेषित की जा सके। उन्होंने कहा कि पंचायतों के परिवार रजिस्ट्रर के आधार पर 18 वर्ष की आयु के आंकड़ों से चिन्हित कर शत प्रतिशत वेक्सिनेशन कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने जिला की देहां, जांगला, सरस्वती नगर, ननखड़ी, सराहन, तकलेच, कुपवी, नेरवा, जलोग तथा कलबोग पंचायतों में पंचायत भवनों के निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की। इस अवसर पर सहायक आयुक्त उपायुक्त डा0 पूनम तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।
हमीरपुर: प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि भाजपा की सरकारें ढोंग और जुगाड़ की राजनीति से देश को चला रही हैं। इन्हें अपने प्रचार से मतलब है और उसी में हीरो हैं जबकि जमीनी स्तर पर काम करवाने में जीरो साबित हुए हैं। जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि ओलिम्पिक खेलों में पदक खिलाड़ियों ने जीते और उसका श्रेय भी खुद ही लेती रही। उन्होंने कहा कि जनता के असली मुद्दों से सरकार भटक चुकी है। रसोई गैस सिलेंडर 400 वाला 1000 रूपए कर दिया और 25 रुपए पिछले कल ही बढ़ाया हैं, पेट्रोल प्रति लीटर 100 रूपए पार हो गया है। खाने-पीने की वस्तुओं के दाम दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे है और रसोई का तेल 200 रूपए से ऊपर हो गया है। जनता को परेशान कर सरकार वाहवाही लूट रही है। उन्होंने कहा कि देश के मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है, जबकि देश की जनता त्रासदी से गुजर रही है और अराजकता का माहौल बनता जा रहा है। कोरोना महामारी में तो हर एक वर्ग परेशान व हताश हैं। देश का अन्नदाता किसान सड़कों पर है उनके मुद्दों की सरकार सुनवाई नहीं कर पा रही है। महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों ने जनता का जीना हराम कर दिया है। निराशा भरे माहौल में भाजपा की सरकार प्रदेशों में जोड़-तोड़ की राजनीति करने में ही दिन गुजार रही है। उन्होंने कहा कि जनता अपने दुख हरने के लिए सरकारें चुनती है, ताकि वे राजधर्म का पालन करें, लेकिन वर्तमान सरकार तानाशाह बन गई है, जिसे देश की फ़िक्र नहीं है।
शिमला : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 25 के अंतर्गत 4-शिमला संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 60-चौपाल, 61-ठियोग, 62-कुसुम्पटी, 63-शिमला, 64-शिमला ( ग्रामीण), 65-जुब्बल कोटखाई व 67-रोहड़ू (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र तथा 2-मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 66-रामपुर निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों की सूची को प्रारूप प्रकाशन के लिए तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त सूची की एक प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय शिमला में कार्यालय समय के दौरान 21 अगस्त 2021 से 27 अगस्त 2021 तक निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि सूची की स्थापना तथा समायोजन हेतु आपत्ती एवं सुझाव के लिए व्यक्तिगत अथवा डाक के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय में 27 अगस्त 2021 को सायं 5:00 बजे से पूर्व लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों की प्रस्तावना के प्रारूप पर प्राप्त हुई आपत्तियां एवं सुझाव के संबंध में 4 सितंबर 2021 को प्रातः 11:30 बजे संसद एवं विधानसभा सदस्य व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति द्वारा इस विषय पर सुझाव दिए जाते हैं तो वह निर्धारित बैठक में उपस्थित हो सकते हैं।
शिमला : कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशवासियों विशेष तौर पर महिलाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। राठौर ने कहा कि भाई बहन के आपसी प्रेमभाव और बहनों की रक्षा का प्रतीक राखी का यह त्यौहार भाई बहन के प्यार का अटूट विश्वास है जो हमारी समृद्ध संस्कृति को संजोय हुए है।
दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में एक बड़ा खेल मैदान बनेगा, बशर्ते उसके लिए पंचायत पर्याप्त भूमि उपलब्ध करवाएगी। भारत सरकार के सूचना प्रसारण एवं युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ये शब्द जन आशीर्वाद रैली के दौरान दाड़ला पंहुचने पर उस समय कहे जब ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान बंसी राम भाटिया, उपप्रधान हेमराज व पंचायत सदस्यों ने उन्हें इस बाबत एक मांग पत्र सौंपा। पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया ने बताया कि दाड़ला पंचायत में खेल मैदान हेतु कई दिनों से लोगों की मांग चल रही थी, इसे लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया था कि इस पंचायत में कोई ऐसा खेल मैदान बनवाया जाए जिसमें पंचायत अपने मेलों का आयोजन या नवयुवाओं की खेल प्रतियोगिताएं समुचित प्रकार से करवा सके। इसलिए उन्होंने इस मांग पत्र को युवा मामले एवं खेल मंत्री भारत सरकार के सम्मुख रखा, ऐसा सुनते ही मंत्री ठाकुर ने कहा कि आप भूमि उपलब्ध कराओ आपको खेल मैदान जरूर मिलेगा।
सोलन : जिला दण्डाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हरी ने कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत प्रदेश के मुख्य सचिव एवं राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में आवश्यक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार सोलन जिला में आवासीय विद्यालयों के अतिरिक्त अन्य सभी विद्यालय 28 अगस्त, 2021 तक बन्द रहेंगे। अध्यापक एवं गैर अध्यापन वर्ग पूर्व की भान्ति विद्यालय आएंगे। कोविड-19 महामारी के प्रसार को रोकने के लिए आवासीय विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा विकसित मानक परिचालन प्रक्रिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाएंगे। जिला दण्डाधिकारी ने आदेश दिए हैं कि सभी विभाग एवं सरकारी संगठन, पुलिस अधिकारी एवं कर्मी तथा स्थानीय प्रशासन यह सुनिश्चित बनाएंगे कि राज्य कार्यकारी समिति एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा कोविड-19 से बचाव के लिए जारी सभी आदेशों की अनुपालना हो। पुलिस अधीक्षक सोलन एवं बद्दी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन तथा सभी उपमण्डलाधिकारी पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय शहरी निकायों की सहायता से इन आदेशों का पूर्ण कार्यान्वयन सुनिश्चित बनाएंगे। इन आदेशों की अवहेलना तथा कोविड-19 से बचाव के लिए उपयुक्त व्यवहार की अनुपालना न करने पर दोषी के विरूद्ध आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 की धारा 51 से 60, भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह आदेश तुरन्त प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा आगामी आदेशों तक जारी रहेंगे।
दाड़लाघाट :अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट में 24 अगस्त 2021 को सरकारी या गैर सरकारी आईटीआई द्वारा प्रशिक्षित तथा रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक उम्मीदवारों हेतु सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने नौकरी हेतु साक्षात्कार रखे हैं। जिन उम्मीदवारों ने 2016 से 2020 तक प्रशिक्षण प्राप्त किया है जिनमें फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, टूल एंड डाई, मेकर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, सीओई (ऑटोमोबाइल), ट्रैक्टर मैकेनिक, पेंटर जनरल इत्यादि ट्रेड्स को शामिल किया गया है। उन प्रार्थियों का चयन होना हैं जिसके तहत प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट तहसील अर्की जिला सोलन में 24 अगस्त 2021 प्रातः 10:00 बजे लिखित तथा मौखिक साक्षात्कार हेतु इच्छुक उम्मीदवारों को आमंत्रित किया गया है। कैंपस प्लेसमेंट इंचार्ज विनोद वर्मा ने कहा है कि प्रार्थी की आयु साक्षात्कार की तारीख पर 18 से 23 वर्ष होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा होगी उसके बाद उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और चयनित उम्मीदवारों को 20100 रू मासिक पारिश्रमिक दिया जाएगा। अधिक जानकारी हेतु कैंपस प्लेसमैंट इंचार्ज विनोद वर्मा से 9218506816 पर संपर्क किया जा सकता है।
दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत सुधार सभा दाड़लाघाट की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष एवं पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। महासचिव प्रेम केशव ने बताया कि बैठक में सुधार सभा के पूर्व उपप्रधान हरि सिंह ठाकुर व उनकी धर्मपत्नी के निधन पर एक साथ शोक प्रकट करते हुए उनके परिवार को संवेदना जाहिर करते हुए 2 मिनट का मौन रखा। सभा में जगदीश ठाकुर, हेतराम ठाकुर, हरिराम, भगतराम, लेखराम, पींकू, हरिचंद, बाबूराम शर्मा, प्रेमलाल ठाकुर, लोक राम, सुखराम, प्रेम केशव, हीरालाल ठाकुर, मीना ठाकुर, मोना देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कुनिहार : शुक्रवार को सोलन में प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई टिप्पणी पर जिला भाजपा ने पलटवार करते हुए कड़ी निन्दा की है। एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी इंदरपाल शर्मा ने कहा कि कल सोलन में कांग्रेस के नेताओ द्वारा अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर प्रेस वार्ता में की गई टिप्पणी की भाजपा जिला सोलन कड़ी निन्दा करती है। शर्मा ने कहा कि अनुराग ठाकुर के स्वागत में जिला सोलन के हर स्थान पर उनके स्वागत में उमड़े जन सैलाब को देखकर कांग्रेस वालो के होश उड़ गए है। उन्होंने कहा कि गुटबाजी भाजपा में नही बल्कि उनकी अपनी पार्टी में है जो जग जाहिर है इसलिए वे भाजपा की चिंता छोड़ अपनी पार्टी की चिंता करे जिसमे मुख्यमंत्री पद के लिए अभी से ही होड़ लगी हुई है और एक नही आधा दर्जन से ज्यादा दावेदार है। शर्मा ने कहा कि भाजपा अर्की उप चुनाव सहित प्रदेश के सभी उप चुनाव जीतेगी।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन जिला के सभी 05 निर्वाचन क्षेत्रों 50-अर्की, 51-नालागढ़, 52-दून, 53-सोलन (अनुसूचित जाति) तथा 54-कसौली (अनुसूचित जाति) के मतदान केन्द्रों की सूचियों का प्रारूप प्रकाशन शनिवार को कर दिया गया है। यह जानकारी शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने दी। कृतिका कुल्हरी ने कहा कि जिला के सभी 05 निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों की सूचियां जन साधारण की जानकारी एवं निरीक्षण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन सहित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की, नालागढ़ एवं सोलन के कार्यालयों में उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों की सूचियों के सम्बन्ध में आक्षेप एवं प्रस्तावनाएं सम्बन्धित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में 27 अगस्त, 2021 तक दाखिल की जा सकती हैं। प्राप्त दावों एवं प्रस्तावनाओं पर सुनवाई सांसद, विधायकों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में की जाएगी।


















































