हिमाचल प्रदेश में शिक्षण संस्थानों को बंद करने या खुले रखने पर मंत्रिमंडल की बैठक में फैसला होगा। 31 मार्च से पहले कोरोना संक्रमण की स्थिति का जायजा लेकर ही मंत्रिमंडल इस बाबत आगामी फैसला लेगी। अभी प्रदेश भर में पांचवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के स्कूल खोले गए हैं। पहली से चौथी कक्षा के विद्यार्थियों की घरों से ऑनलाइन पढ़ाई जारी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर मंत्रिमंडल बैठक होने की संभावना है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए सरकार अप्रैल में शिक्षण संस्थानों के लिए कोई फैसला लेगी। नॉन बोर्ड कक्षाओं के लिए एक अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होना है। पहली से नवीं और जमा एक कक्षा का 31 मार्च तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। पहली से चौथी कक्षा के स्कूल 31 मार्च तक बंद रखे गए हैं। ऐसे में इन स्कूलों की पढ़ाई को लेकर आगामी क्या निर्णय लिया जाना है, इसको लेकर स्थिति मंत्रिमंडल की बैठक में साफ होगी। इसके अलावा मिड डे मिल को भी 31 मार्च तक नहीं परोसा जा रहा है। विद्यार्थियों को राशन ही उपलब्ध करवाया जा रहा है। मंत्रिमंडल की बैठक में मिड डे मिल को लेकर भी फैसला होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-3 कुल्लू-मनाली के बीच हुए भूस्खलन से घंटों अवरूद्ध रहा है। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे डोलहूनाला के पास पहाड़ी दरकने से चट्टानें व मलबा सड़क पर आ गया। इस दौरान किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। लेकिन दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रविवार का दिन होने के कारण सुबह के समय पर्यटक मनाली की ओर जा रहे थे। लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने से यहां वाहनों की रफ्तार थम गई। पर्यटक वाहनों के साथ कई बसें व निजी वाहनों के फंसने से लोगों को परेशान होना पड़ा। सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की टीम ने मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क को कड़ी मशक्कत से वाहनों के लिए बहाल किया गया। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग कुल्लू-मनाली वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में काेराेना के केस में हर राेज बढ़ रहें है। आज यानी शनिवार काे 148 नए केस सामने आए हैं, जबकि एक व्यक्ति की माैत हाे गई और 67 लाेग ठीक भी हाे गए। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में अब 1199 एक्टिव केस हाे गए और 1 हजार 4 लाेगाें की माैत हाे चुकी है। जिला बिलासपुर में 12, चंबा में काेई नहीं, हमीरपुर में 10, कांगड़ा में 30, किनौर1, कुल्लू 6, लाहाैल-स्पीति काेई नहीं, मंडी 11, शिमला 20, सिरमौर 6, साेलन 14 और जिला ऊना में 38 नए लाेग काेराेना पाॅजिटिव पाए गए।
शिमला। कांगड़ा जिला के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में इस बार उपचुनाव हाेना है और गलत अफवाहें यह भी थी कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल काे भाजपा प्रत्याशी घाेषित कर सकती है। इस सब चर्चाओं और अफवाहाें पर प्रेम कुमार धूमल ने विराम लगा दिया। शिमला में बीते शुक्रवार काे भाजपा चुनाव समिति की बैठक के बाद मीडिया से अनाैपचारिक बातचीत के दाैरान पूर्व सीएम ने सपष्ट कह दिया कि फतेहपुर निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी के कई चेहरे हैं, मैं अपने क्षेत्र से वहां नहीं जाऊंगा। ऐसे में जाहिर है कि प्रेम कुमार धूमल फतेहपुर से उपचुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं हैं। धूमल ने यह भी कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी हाईकमान के आदेशों का पालन करुंगा। प्रेम कुमार धूमल ने दावा किया कि प्रदेश के चार नगर निगम में हाेने वाले चुनाव और फतेहपुर उपचुनाव में भी भाजपा की जीत हाेगी।
शिमला। पूर्व सैनिक सामाजिक कल्याण, युवा सशक्तिकरण एवं कृषि विकास संस्था जिला शिमला भी एन.पी.एस. कर्मियों के समर्थन में उतर आई है। संस्था के जिलाध्यक्ष मोहन शर्मा ने बताया कि जब विधायक और सांसद पेंशन ले रहे है, तो कर्मचारियों को इससे वंचित रखना तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने बताया कि अधिकतर नेता पांच या दस साल तक विधायक या सांसद चुने जाते है, वह तो पेंशन के लिए पात्र हो जाते है लेकिन जो कर्मचारी अपना पूरा जीवन सरकारी सेवा में समर्पित करता है, उसे पेंशन से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कर्मचारी ऐसे वक्त में रिटायर होता है, जब उसे चिकित्सीय सेवाओं की जरूरत रहती है। इस पर लाखों रुपए तक खर्च हो जाता है। ऐसे में पेंशन न मिलने की वजह से कर्मचारी उपचार से वंचित रह जाएंगे। उन्होंने सरकार से सभी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करने का आग्रह किया है।
कुल्लू जिला की सैंज घाटी के सैंज-घाट परगाणु सड़क में अचानक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्र्रस्त हुई है। जिसमें सवार 3 युवकों में से 2 की घटना स्थल पर मौत हुई। जबकि हादसे में एक गंभीर घायल युवक को सैंज अस्पताल पहुंचाया। जहां से डाक्टर ने घायल की गंभीर हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रैफर किया। गंभीर घायल ने क्षेत्रीय अस्पताल में ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में मृतकों की पहचान 18 वर्षीय सतीश कुमार पुत्र प्रकाश चंद गांव सुम्मा डाकघर सैंज,17 वर्षीय चंद्रकांत पुत्र खेमराज गांव शिकारी डाकघर भलाण,14 वर्षीय रोहित शर्मा पुत्र सीता राम निवासी शिकारी डाकघर भलाण के रूप में हुई। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि सैंज घाटी में कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है जिसमें 2 युवकों की घटना स्थल पर मौत हुई 1 घायल की ईलाज के दौरान मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानवीन शुरू कर दी है। हादसे के कारणो की जांच पड़ताल चल रही है।
आरपी नेगी। शिमला हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज संपन्न हुआ। कुछ 16 बैठकाें के दाैरान 55 घंटे 32 मिनट तक कार्यवाही चली। हालाँकि बजट सत्र का आगाज़ विपक्ष ने हंगामेदार तरीके से किया, लेकिन धीरे-धीरे शांत स्वभाव में सदन की कार्यवाही में भाग लिया। इस बार का बजट सत्र भले ही छाेटा रहा, सरकार ने 5 विधेयकों के साथ बजट भी पारित किया। राज्यपाल अभिभाषण के दिन से ही विपक्ष ने राैद्र रूप दिखाया और राज्यपाल के काफिले काे भी राेका गया ताे नतीजा कांग्रेस के पांच एमएलए काे पूरे सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया। लगातार पांच दिनों तक सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तकरार चलती रही, बाद में सरकार काे भी जुकना पड़ा। पांच मार्च से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलती रही। सत्र के समापन्न अवसर पर विधानसभा स्पीकर विपिन सिंह परमार ने सदन काे संबाेधित करते हुए कहा कि इस दाैरान 530 तारांकित और 218 अतारांकित सवाल पूछे गए। चार दिनों तक बजट पर चर्चा हुई ताे सीएम जयराम ठाकुर ने एक घंटा 15 मिनट तक जवाब भी दिया। उन्हाेंने सभी सदस्याें काे काेराेना से बचाव में आगे आने काे कहा। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि बजट सत्र के शुरुआती दिनों काे छाेड़ विपक्ष का पाॅजिटिव सहयाेग मिला। उन्हाेंने कहा कि लाेकतंत्र में सबकाे अपनी बात रखने का पूरा अधिकार हाेता है। छाेटा बजट सत्र हाेने के बावजूद बजट पारित हुआ। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहाेत्री ने सदन काे संबाेधित करते हुए कहा कि हमारा दिल बहुत बड़ा है। हमने लाेकतंत्र की लड़ाई लड़ी ताे एफआईआर भी दर्ज करवाई गई, जाेकि ऐसा पहली बार हुआ। उन्हाेंने कहा कि कभी आप उधर ताे कभी हम उधर हाेते हैं।
शिमला। विधानसभा बजट सत्र के अंतिम दिन भाजपा विधायक विनोद कुमार के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आईजीएमसी अस्पताल में मार्च 2020 से 18 मार्च 2021 तक 728 डॉक्टरों ने कोरोना काल के दौरान अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान 225 डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव भी पाए गए हैं। कोरोना काल के दौरान विशेष कोविड सेंटर में 205 डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दी। डॉ. सैजल ने कहा कि कोरोना संक्रमण से लड़ाई में डाक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मियों ने भी सेवाएं दी हैं। सभी कर्मचारियों को सरकार सम्मानित करेगी। उन्होंने कहा कि कोविड काल में सभी श्रेणियों ने सराहनीय कार्य किया है। वहीं, मुकेश अग्निहोत्री के अनुपूरक सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 60207 हैं और अभी 1024 एक्टिव केस हैं। वहीं कोरोना संक्रमण से 1003 लोगों की मौतें हुई हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक 1.90 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन लगी हैं और यह कार्य केंद्र सरकार की गाइडलाइन के तहत हो रहा है। डॉ. सैजल ने सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अनुपूरक सवाल पर कहा कि कोरोना काल में एक ही चिकित्सक की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। इसके अलावा किसी अन्य स्टाफ की इस संक्रमण से मौत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार का कोरोना सेवाएं देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को इंसेंटिव देने का अभी सरकार कोई विचार नहीं रखती है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन भारत दौरे पर हैं। भारत के तीन दिनों के दौरे पर दिल्ली पहुंचे अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच दिल्ली के विज्ञान भवन में आज बैठक हुई। इस बैठक में भारत और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत-अमेरिका के संयुक्त बयान जारी करते हुए भारत की ओर से कहा कि मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि सचिव ऑस्टिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ हमारी व्यापक और उपयोगी बातचीत हुई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हम व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की पूरी क्षमता का एहसास करने के लिए दृढ़ हैं। रक्षा-सहयोग पर व्यापक रूप से बातचीत, सैन्य विस्तार से सैन्य विस्तार, सूचना साझा करना और रक्षा और पारस्परिक रसद समर्थन के उभरते क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि हमने कई द्विपक्षीय और बहुपक्षीय अभ्यासों की भी समीक्षा की और हमने भारतीय सेना, यूएस इंडो-पैसिफिक कमांड, सेंटर कमांड और अफ्रीका कमांड के सहयोग में वृद्धि के लिए सहमति व्यक्त की। हमने LEMOA, COMCASA और BECA समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं और हम उनकी पूर्ण क्षमता का एहसास करने के लिए सहमत हुए हैं।
सीबीआई ने अपने डीएसपी आरके रिषी और आरके सांगवान इंस्पेक्टर कपिल धनखड़ और एक वकील के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये लोग एजेंसी के अंदर ही रिश्वतखोरी का एक तंत्र बनाकर काम कर रहे थे। तीनों अधिकारियों को जनवरी में गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई ने रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार अपने तीन अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। इन अधिकारियों पर 4,300 करोड़ रुपये से ज्यादा की बैंक धोखाधड़ी के मामलों में जांच में राहत के बदले रिश्वत लेने का आरोप है। सीबीआइ ने अपने डीएसपी आरके रिषी और आरके सांगवान, इंस्पेक्टर कपिल धनखड़ और एक वकील के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये लोग एजेंसी के अंदर ही रिश्वतखोरी का एक तंत्र बनाकर काम कर रहे थे। तीनों अधिकारियों को जनवरी में गिरफ्तार किया गया था। स्टेनोग्राफर समीर कुमार भी इस मामले में आरोपित है। रिश्वत के इस मामले में श्री श्याम पल्प एंड बोर्ड मिल्स के एडिशनल डायरेक्टर मनदीप कौर ढिल्लों और फ्रॉस्ट इंटरनेशनल के निदेशकों सुजय देसाई व उदय देसाई के नाम भी एफआइआर में हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर धनखड़ को इंस्पेक्टर के रूप में प्रतिनियुक्ति पर एजेंसी में भेजा गया था। उसने रिषी और सांगवान के साथ मिलकर 700 करोड़ रुपये के लोन डिफॉल्ट का सामना कर रही श्री श्याम पल्प और 3,600 करोड़ के लोन डिफॉल्ट का सामना कर रही फ्रॉस्ट इंटरनेशनल से रिश्वत ली।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इमरान खान शनिवार 20 मार्च को कोरोना पॉजिटिव पाए गए। फिलहाल वह होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य सेवा मामले के प्रधानमंत्री के विशेष सहायक फैजल सुल्तान ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। हाल ही में इमरान खान ने चाइनीज वैक्सीन Sinovac और Sinopharm की डोज ली थी। हालांकि, वैक्सीन लगवाने के बाद भी इमरान कोरोना पॉजिटिव पाए गए। गौरतलब है कि गुरुवार को ही इमरान खान ने कोविड-19 वैक्सीन लगावाई थी। वैक्सीन लगवाने के बाद उन्होंने देश के लोगों से महामारी के मामलों में बढ़ोतरी को रोकने के लिए नियमों का पालन करने का आग्रह किया था। पाकिस्तान के पीएमओ ने ट्वीट कर कहा था कि प्रधानमंत्री इमरान खान को आज वैक्सीन लगाई गई। वंही, पाकिस्तान में कोरोना के नए मामलों में तेजी आ रही है। शनिवार को 3,876 नए मामले सामने आए। पाकिस्तान में अब तक 62 लाख से ज्यादा लोग वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं। जबकि मृतकों की संख्या 13 हजार से ज्यादा हो गई है।
महामारी से संघर्ष कर रहे देश में मार्च आते ही फिर से कोरोना का प्रकोप बढ़ गया है। पिछले 111 दिनों में कोरोना के नए मामलों का सबसे अधिक आंकड़ा आज दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान 40,953 नए मामले आए और 188 संक्रमितों की मौत हो गई। यह आंकड़ा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार सुबह जारी किया है। इसके साथ ही देश में अब तक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1,15,55,284 हो गया और मौतों की संख्या 1,59,558 हो गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार, अब तक देश में कोरोना वायरस के लिए कुल 23,24,31,517 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 10,60,971 सैंपल केवल शुक्रवार को कल टेस्ट किए गए। वहीं देश में कुल 4,20,63,392 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 2,88,394 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,11,07,3 है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किया 24 घंटे का यह आंकड़ा इस साल का सबसे अधिक है। लगातार दसवें दिन संक्रमण के आए ये नए मामले कुल संक्रमण के मामलों का 2.49 फीसद है। इससे पहले पिछले साल के 29 नवंबर को 24 घंटे के दौरान 41,810 नए मामले दर्ज किए गए थे।
- हिमाचल में कारोना को लेकर बढ़ते मामलों को लेकर नो मास्क नो सर्विस नियम लागू - कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर हिमाचल सरकार हुई सख्त, प्रदेश में एक सप्ताह तक रहेगा मेलों एयर लंगर पर पूर्ण प्रतिबन्ध। 23 मार्च से लागू होगा ये नियम । - सार्वजनिक समारोह में 50 फीसदी और तक रहगी लोगों की मौजूदगी। -कारोना प्रभावित क्षेत्रों को बनाया जाएगा कंटेन्मेंट जोन। - शिक्षण संस्थानों में मामले आने पर बनाया जाएगा कंटेन्मेंट जोन
शिमला। हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पंचायतों में हुए घपले की विजीलेंस छानबीन चल रही है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर प्रधान, उप-प्रधान और पंचायत सदस्यों से 5.39 करोड़ रुपये की वसूली की जाएगी। वसूली की प्रक्रिया 85.28 लाख रुपये पहले ही हो चुके थे और बाकी राशि की वसूली की प्रक्रिया की जा रही है। इससे पहले कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने आज विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह मामला उठाया। उन्होंने कहा कि आनी उपमंडल के कुंगथ पंचायत में हुए घपले में अभी 23 कामों की ही जांच चल रही है। जिसमें 17 लाख रुपए का घपला सामने आ गया है। वहां पर कम से कम दो सौ काम हुए है। जबाव में वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जो भी हुआ होगा सब सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि कुगंस पंचायत में गड़बड़ी पाई गई। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत प्रधान और अन्य प्रतिनिधियों की संपत्तियों को संलग्न किया जा सकता है। अगर जमा नहीं किया तो एचपी ग्राम पंचायत अधिनियम के तहत 12.50 प्रतिशत ब्याज दर से गबन की राशि वसूली जाएगी।
शिमला। हिमाचल कैबिनेट ने विधायकों को उनकी गाडियों पर तिरंगा झंडा लगाने के लिए लोगो से सुझाव मांगा है। अब अगली कैबिनेट में इस पर अंतिम फैसला हो सकता है। मंत्रिमंडल बैठक की सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वन विभाग में वन रक्षकों के रिक्त पदों को भरने की मंजूरी दी गई है। यह पद सीधी भर्ती से अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे। इसके अलावा कैदियों की समय पूर्व रिहाई को लेकर भी फैसला लिया गया है। इसके अलावा द्रंग चुनाव क्षेत्र के टिक्कन में पुलिस चौकी खोलने का मंजूरी दी गई है। जिला सिरमौर में पुलिस थाना कालाअंब के अधीन माता बाला सुंदरी त्रिलोकपुर में नई पुलिस चौकी खोलने को भी मंजूरी मिली है। धनोटू जिला मंडी में स्थित पुलिस सहायता कक्ष का दर्जा बढ़ाकर पुलिस थाना किए जाने को मंजूरी मिली है। बीड़ तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा में पुलिस चौकी खोलने को मंजूरी मिली है। मानपुरा में पुलिस स्टेशन व बद्दी वर्धमान में सिटी चौकी खोलने की भी मंजूरी मिली है। कैबिनेट की बैठक में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर भी चर्चा हुई। साथ ही फैसला लिया कि कल हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सीएम जयराम ठाकुर जिला के सभी डीसी से वीडियो कांफ्रेंसिंग से बैठक कर चर्चा करेंगे। इसके बाद कोरोना पर कोई निर्णय लिया जाएगा।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज 182 लाेग काेराेना पाॅजिटिव पाए गए। जबकि तीन लाेगाें की माैत भी हाे गई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आज 98 लाेग स्वस्थ भी हुए। ऐसे में अब राज्य में काेराेना के 1124 एक्टिव केस हाे गए। अब तक हिमाचल में 60 हजार 389 केस सामने आ चुके हैं।
शिमला। परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा है कि चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन को विशेष रेल परियोजना घोषित किया गया है। इस परियोजना की लागत को केंद्र और प्रदेश सरकार 50:50 फीसदी की हिस्सेदारी के रुप में वहन करेगी। परियोजना के लिए 232 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है, जिसमें 177 करोड़ रुपए से अधिक रेलवे और 54.50 करोड़ रुपए प्रदेश सरकार ने जारी किए हैं। उन्होंने यह जानकारी विधायक रामलाल ठाकुर की तरफ से प्रदेश में रेलवे के विस्तारीकरण को सुदृढ़ करने के लिए नियम-101 के तहत लाए गए संकल्प पर हुई चर्चा के उत्तर में दी। बाद में सदन ने इस संकल्प को ध्वनिमत से अस्वीकार कर दिया। इस संकल्प पर हुई चर्चा में पक्ष-विपक्ष ने रेल विस्तार को लेकर हिमाचल प्रदेश की अनदेखी करने पर इच्छा जताई। बिक्रम िसंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 54.1 किलोमीटर लंबी ऊना-हमीरपुर नई ब्राडगेज लाइन और 475 किलोमीटर लंबी बिलासपुर-मंडी-लेह नई ब्राडगेज रेललाइन का मामला केंद्र सरकार से उठाया है। ये दोनों मामले केंद्र सरकार के विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़-बद्दी और भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेललाइन के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए रेल मंत्रालय ने 731 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी कर दी है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड द्वारा वर्ष 2021-22 के लिए प्रस्तावित आय 125 करोड़ 52 लाख रुपए तथा विभिन्न मदों पर 115 करोड़ रुपए व्यय का बजट बैठक में पारित किया। जिसे जल्द प्रदेश सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव सिंह भण्डारी ने हि0 प्र0 राज्य कृषि विपणन बोर्ड की बजट बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये जानकारी दी। उन्होनें बताया कि इस बैठक के अंतर्गत प्रदेश की 10 कृषि उत्पाद मण्डी समितियों का वर्ष 2021 के लिए 129 करोड़ 36 लाख प्रस्तावित आय एवं 114 करोड़ 56 लाख विभिन्न प्रस्तावित मदों को व्यय का बजट भी बैठक में पारित किया। उन्होनें बताया कि जायका परियोजना के तहत 31 करोड़ 70 लाख का बजट भी पारित किया गया है। उन्होनें बताया कि प्रदेश में मार्किटिंग यार्ड के सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न निर्माण कायों के लिए 14 करोड़ 10 लाख के बजट को भी पारित किया गया। विश्व बैंक की परियोजना के तहत मण्डियों को बढ़ाने के लिए 95 करोड़ प्राप्त हुआ है। उसके अन्तर्गत निर्मित विभिन्न विकास कार्यों से किसानों बागवानों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए अच्छी सुविधा मिलेगी।
शिमला। बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा है कि फसल बीमा योजना के तहत बागवानों को बीते तीन सालों में 128 करोड़ रुपए का लाभ दिया गया है, जबकि इस अवधि के दौरान किसानों और केंद्र व राज्य सरकार ने बीमा के प्रीमियम के रूप में कुल 248.88 करोड़ रुपए जमा करवाए हैं। बागवानी मंत्री ने कहा कि इस योजना में कई खामियां हैं और व खुद ही इसे लेकर स्पष्ट नहीं है। ऐसे में इस संबंध में सभी संबंधितों के साथ बैठक कर खामियों को दूर किया जाएगा। वे शुक्रवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा के मूल और कांग्रेस सदस्य जगत सिंह नेगी के अनुपूरक सवाल का जवाब दे रहे थे। महेंद्र सिंह ठाकुर ने माना कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि बागवानों से कंपनियों ने 101.08 करोड़ रुपए से अधिक का प्रीमियम कैसे वसूल लिया, जबकि फसल बीमा योजना के तहत कुल प्रीमियम का सिर्फ 5 फीसदी हिस्सा ही बागवानों को देना था तथा शेष हिस्सा केंद्र और प्रदेश सरकार को आधा-आधा चुकता करना था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से 2020 के दौरान प्रदेश सरकार ने फसल बीमा के एवज में इन कंपनियों को 74.02 करोड़ रुपए, जबकि भारत सरकार ने 73.77 करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्रीमियम के रूप में दी है। उन्होंने कहा कि कंपनियों द्वारा वसूले जा रहे प्रीमियम को लेकर वे खुद स्पष्ट नहीं है। इसलिए वे कंपनियों और केंद्र सरकार के अफसरों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना प्रदेश में पहली अप्रैल 2016 को लागू हुई थी और इस योजना के तहत वर्ष 2016 से 2020 के बीच 424311 बागवान पंजीकृत हुए थे। इस योजन के तहत उद्यान विभाग रबी की फसल का ही बीमा करता है। इस कार्य के लिए एआईसी, इफको टोक्यो, आईसीआईसीआी लम्बार्ड, एचडीएफसी एरगो और रिलायंस जीआईसी इत्यादि कंपनियों से अनुबंध है।
शिमला। चीफ व्हिप एवं भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि यह दुख का विषय है कि प्रकृति की मार किसानों व बागवानों पर पड़ रही है। इस कारण हजारों करोड़ का नुकसान हो चुका है। क्या यह सत्य है कि 2009-10 में पायलट योजना के तहत फसल आधारित बीमा योजना शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि फसल का बीमा कई सालों से नहीं मिल रहा है, जबकि प्रीमियम खाते से पहले ही कट जाता है। जो कंपनियां बीमा राशि जारी नहीं कर रही, क्या उन्हें ब्लैक लिस्ट किया गया है। ड्रोन के माध्यम से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया जाए। वहीं, कांग्रेस सदस्य जगत सिंह नेगी ने कहा कि सेब किस फसल में आता है, जबकि फसल बीमा योजना रबी फसल की है। सेब तो खरीफ में आता है। महेंद्र सिंह ने कहा कि सेब की फसल को रबी की फसल के दौर में ही नुकसान होता है। इसलिए यह इसमें शामिल है। उन्होंने कहा कि ऊंची चोटियों में बाद में नुकसान होता है और इस कारण वे योजना के लाभ से वंचित होते हैं और वे इसका प्रावधान इसमें शामिल करने पर विचार करेंगे।
शिमला। ज्वालामुखी से भाजपा विधायक रमेश चंद धवाला अपनी ही सरकार से एक बार फिर मुखर हुए। प्रश्नकाल के दाैरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में निर्माणधीन स्कूल भवनाें की स्थिति पर जवाब मांगा। शिक्षा मंत्री गाेविंद सिंह ठाकुर ने पूरी स्थिति के बारे अवगत भी करवाया, लेकिन धवाला संतुष्ट नहीं दिखे। उन्हाेंने शिक्षा विभाग काे गलत जानकारी देने का आरोप लगाया। धवाला ने कहा कि जब पैसे ही नहीं थे ताे टेंडर आरोप लगाया। जब शिक्षा मंत्री गाेविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि भवनाें के निर्माण कब तक हाेंगे इसकी तय तिथि नहीं दे सकता हूं, मगर थाेडा सा इंतजार कराे। शिक्षा मंत्री के जवाब से असंतुष्ट रमेश धवाला ने कहा कि मैं पिछले तीन साल से इंतजार ही कर रहा हूं।
शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा विधायक दल के सदस्यों ने आज विधानसभा परिसर में सांसद स्वर्गीय रामस्वरूप शर्मा को पुष्पांजलि अर्पित की। दिवंगत आत्मा के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, मंत्रियों और विधायकों ने भी स्वर्गीय रामस्वरूप शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला किन्नौर के बटसेरी गांव के युवा अमित कुमार नेगी को राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया। अमित कुमार नेगी आईएमएफ एवरेस्ट मैसिफ ऐक्सपीडिशन 2021 के लिए चयनित पहले नागरिक हैं। उन्होंने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी से बेस कोर्स और राष्ट्रीय पर्वतारोहण और संबंध खेल संस्थान अरूणाचल प्रदेश से एडवांस कोर्स किया है। मुख्यमंत्री ने अमित कुमार नेगी के प्रयासों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें एवरेस्ट अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि अमित कुमार नेगी की यह उपलब्धि राज्य के युवाओं को प्रेरित करने में सहायक सिद्ध होगी। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, वन मंत्री राकेश पठानिया और विधायक जगत सिंह नेगी इस अवसर पर उपस्थित थे।
शिमला। पिछले साल काेविड-19 के दाैरान लाॅकडाउन के बीच बाहरी राज्याें में फंसे 23 हज़ार हिमाचलियों काे राज्य सरकार द्वारा वापिस लाया गया। जबकि 70 देशाें में फंसे 3 हजार 445 लाेगाें काे भी अपने क्षेत्राें में पहुंचाया गया। विधायक विशाल नैहरिया द्वारा पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि पिछले साल 24 मार्च काे पूरे देश में लाॅकडाउन लगा था और इसी दाैरान जयराम सरकार ने बाहरी राज्याें और विदेशों में फसें हिमाचलियों काे अपने घराें तक पहुंचाने के ऐसा लिए कदम उठाया था।
शिमला। विधानसभा बजट सत्र के दाैरान आज सदन में सांसद रामस्वरूप के निधन का मामला भी गूंजा। प्रश्नकाल समाप्त हाेते ही नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहाेत्री ने इस मसले काे उठाया। उन्हाेंने कहा कि सांसद रामस्वरूप शर्मा एक नेक इंसान और साफ छवी के नेता थे। उनके निधन काे लेकर साेशल मीडिया में कई सवाल उठ रहे हैं। उन्हाेंने सरकार सांसद के निधन की जांच सीबीआई से करने काे कहा। मुकेश ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने एक सांसद खाेया है। जब फिल्म स्टार सुशांत राजपूत की जांच सीबीआई कर सकती है ताे हमारे सांसद के निधन की जांच क्याें नहीं? जवाब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी काेई जल्दबाजी नहीं करेंगे। दिल्ली पुलिस जांच कर रही है और पाेस्टमार्ट रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। सीएम ने कहा कि सांसद के परिवार से भी वह मिलकर आए हैं और बताया कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। ऐसे में हमें पाेसटमार्ट रिपोर्ट आने तक थाेड़ा इंतजार करना हाेगा।
रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को भारत डायनामिक्स लिमिटेड के साथ 4,960 मिलान-2टी एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल की सप्लाई को लेकर एक सौदे पर हस्ताक्षर किए। ये एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल भारतीय सेना कौ सौंपी जाएगी। इन गाइडेड मिसाइलों की कीमत 1,188 करोड़ रुपये है। रक्षा मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी। मिलान-2टी को भारत डायनामिक्स लिमिटेड की ओर से फ्रांस की एक रक्षा फर्म से मिले लाइसेंस के तहत विकसित किया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल के केंद्रीय पर्यवेक्षक कैलाश विजय वर्गीय ने शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणा पत्र के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया, 'पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र 21 मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा जारी किया जाएगा।' गौरतलब है कि भाजपा के लिए यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैंपेनिंग कर रहे हैं। यहां की 294 विधानसभा सीट पर 27 मार्च से लेकर 29 अप्रैल तक 8 चरणों में चुनाव होंगे। नतीजे 2 मई को घोषित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को 291 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। टिकटों के बंटवारे में युवाओं, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और पिछड़े समुदायों पर जोर दिया गया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल में वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी TMC ने तमाम पूर्वानुमानों को पीछे छोड़कर पूर्ण बहुमत हासिल किया था। 294 सदस्यीय विधानसभा में ममता की पार्टी को 211 सीटें मिली थीं। कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन को सिर्फ 76 सीटों पर जीत मिली थी। इनमें कांग्रेस वामदलों से काफी अच्छी स्थिति में रही और उसे 44 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। CPM के खाते में 26 सीटें और CPI के खाते में सिर्फ एक सीट गई थी। AIFB को दो और RSP को तीन सीटों पर जीत मिली थी।
विद्यार्थियों को इसी सप्ताह प्रमोट करेगा एचपीयू शिमला, हजारों यूजी विद्यार्थियों का इंतजार होगा खत्म
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के हजारों यूजी विद्यार्थियों का प्रमोट होने का इंतजार इसी सप्ताह समाप्त हो जाएगा। प्रमोट करने का कार्य लगभग पूरा है। जल्द विश्वविद्यालय यूजी प्रथम और द्वितीय वर्ष के करीब एक लाख विद्यार्थियों को प्रमोट कर उनका रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड करेगा। इसके बाद छात्र लॉगइन आईडी से रिजल्ट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। यूजी परीक्षाओं से पहले विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को प्रमोट कर देगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी माना कि कोविड-19 के कारण बीते वर्ष बने हालात के कारण यूजी प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं न होने के कारण स्नातक डिग्री कोर्स के प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को प्रमोट करने का फैसला लिया था। छात्रों के कॉलेजों से भेजे गए इंटरनल असेसमेंट और परिणाम संबंधित रिकार्ड के आधार पर छात्रों को प्रमोशन का कार्य पूरा कर दिया गया है। इसकी टेस्टिंग सफल होते ही इसी सप्ताह परिणाम अपलोड कर दिया जाएगा। 2018 और 2019 सत्र के यूजी छात्रों को प्रथम और द्वितीय वर्ष में प्रमोशन दिया जाना है। कॉलेजों से इंटरनल असेसमेंट व परीक्षा फार्म न भरने पर नहीं होगी प्रमोशन यूजी डिग्री कोर्स के सिर्फ उन्हीं छात्रों को विश्वविद्यालय प्रमोट करेगा, जिनकी कॉलेजों से इंटरनल असेसमेंट विवि को मिली होगी और जिन्होंने पिछली कक्षा के परीक्षा फार्म भरे होंगे। अगली कक्षा की परीक्षा देने के लिए भी प्रमोशन और परीक्षा फार्म भरना अनिवार्य होगा। जिन छात्रों की इंटरनल असेसमेंट नहीं आई होगी और जिन्होंने परीक्षा फार्म नहीं भरे होंगे, उन्हें प्रमोट नहीं किया जाएगा। उनका रिजल्ट कार्ड जेनरेट नहीं होगा। विवि ने यूजी के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 25 मार्च तक बढ़ाई है। पिछले सत्र में नहीं हुई थी यूजी प्रथम, द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं पिछले साल लॉकडाउन के कारण शिक्षण संस्थान बंद रहने से यूजी की प्रथम और द्वितीय वर्ष की वार्षिक परीक्षाएं नहीं करवाई गई थीं। इस कारण सरकार के आदेशों पर नवंबर में हुई ईसी की बैठक में इन दो बैच के छात्रों को प्रमोट करने का फैसला लिया गया था। प्रमोशन प्रथम वर्ष की इंटरनल असेसमेंट और द्वितीय वर्ष के छात्रों को पिछली कक्षा के प्राप्तांक और इंटरनल असेसमेंट के आधार पर प्रमोट करने का फार्मूला निकाला गया था।
फटी जींस वाले बयान पर विवादों से घिरे उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत ने माफी मांगी है। उनका कहना है कि उनका ये बयान संस्कारों के परिपेक्ष्य में था। अगर किसी को फटी जींस पहननी ही है तो वह पहनें। उनके बयान से किसी का दिल दुखा है तो वह उसके लिए माफी मांगते हैं। गौरतलब है कि देहरादून में एक कार्यक्रम में दिया गया मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का बयान अब उनके लिए ही मुश्किल का सबब बनता गया। फटी जींस पर टिप्पणी से इंटरनेट मीडिया पर मुख्यमंत्री लगातार ट्रोल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान को महिलाओं के पहनावों के प्रति संकीर्ण मानसिकता का द्योतक बताया जा रहा है। वहीं, उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन के बाद से मुद्दा तलाश रही कांग्रेस इसे हाथ से नहीं जाने देना चाहती। हालांकि अब उन्होंने मामले पर माफी मांग ली है।
संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण जारी है। शुक्रवार को सत्र का चौथा दिन है। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कल से ही बीमा संशोधन विधेयक 2021 के खिलाफ हैं। उन्होंने आज कहा, 'बीमा संशोधन विधेयक 2021 में त्रुटियां है, इसे स्टैंडिंग कमेटी के पास भेजना चाहिए। इसके तहत विदेशियों पर नियंत्रण और ऑनरशिप के प्रावधान लागू होंगे। यदि FDI आती है, तो वे मोदी जी द्वारा लाए गए वेस्ट इंडिया कंपनी बन जाएंगे जिससे गुजरात के लोगों को मदद मिलेगी।' बीमा संशोधन विधेयक 2021 पर गुरुवार को राज्यसभा में चर्चा के दौरान खड़गे ने इसका जोरदार विरोध किया था। उनका कहना था कि सरकार पहले ही बीमा क्षेत्र में एफडीआई को बढ़ाकर 49 फीसद कर चुकी है और अब यह सीमा 74 फीसद की जा रही है। दरअसल गुरुवार को राज्यसभा ने बीमा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की सीमा 49 फीसद से बढ़ा कर 74 फीसद करने के प्रावधान वाले बीमा (संशोधन) विधेयक, 2021 को मंजूरी दे दी। बीते दिन लोकसभा में जिस फोन टैपिंग का मामला गूंजा था। आज राज्यसभा में इसपर हंगामे की संभावना है। इस क्रम में राज्य सरकारों द्वारा फोन टैपिंग के बढ़ते मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सांसद भूपेंद्र यादव ने आज राज्यसभा में जीरो आवर नोटिस दिया। वहीं ईंधन की बढ़ी कीमतों के कारण गरीब परिवार पुराने पारंपरिक ईंधन व्यवस्था अपनाने को मजबूर हो गए हैं, इसके मद्देनजर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने राज्यसभा में जीरो आवर नोटिस दिया है। बता दें कि इस सत्र के शुरुआती दो दिन कामकाज सामान्य तौर पर जारी रहा और कई महत्वपूर्ण बिल सदन में पेश किए गए। आज भी दोनों सदनों में कई महत्वपूर्ण बिल पेश किए जाने की संभावना है।
महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में कोरोना संक्रमण की स्थिति चिंताजनक हो गई है। पाबंदियां बढ़ाने के बावजूद लगातार मामले बढ़ रहे हैं और रिकवरी रेट में गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान 110 दिनों में सबसे ज्यादा मामले सामने आए है। इस दौरान लगभग 40 हजार मामले सामने आए हैं और 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। इस बीच बिहार सरकार ने कोरोना स्थिति को देखते हुए सभी डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की छुट्टी 5 अप्रैल तक रद कर दिया है। महाराष्ट्र में गुरुवार को रिकॉर्ड 25 हजार 833 मामले सामने आए। बढ़ते मामलों के कारण गुजरात में पड़ोसी राज्यों राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से लगती सीमाओं को सील कर दिया गया है। वहीं पंजाब में नौ जिलों में नाइट कर्फ्यू रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। दिल्ली में भी मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना को देखते हुए गुजरात की सीमाएं सील, लाकडाउन नही गुजरात में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने आठ बडे़ शहरों में 10 अप्रैल तक स्कूल-कालेज और विश्वविद्यालय बंद कर दिए हैं। विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं भी रद कर दी गई हैं। केवल 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसके अलावा अहमदाबाद व सूरत में सार्वजनिक बस सेवा, गार्डन, जिम, जू आदि को बंद किया गया है और नाइट कर्फ्यू की अवधि बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री ने लाकडाउन लागू करने से इन्कार किया है, लेकिन पड़ोसी राज्यों राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से लगती सीमाओं को सील कर दिया गया है। पंजाब के 9 जिलों में नाइट कर्फ्यू रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक पंजाब में भी कोरोना संक्रमण से स्थिति खराब है। गुरुवार को यहां 2387 नए मामले सामने आए। वहीं इस दौरान 32 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अबतक 2.05 लाख मामले सामने आ गए हैं और 6204 लोगों की मौत हो गई है। एक्टिव केस 14,366 है। इसके मद्देनजर राज्य के नौ जिलों अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला लुधियाना, जालंधर, पटियाला, मोहाली और रूपनगर (रोपड़) में नाइट कर्फ्यू लागू है। इन जिलों में नाइट कर्फ्यू रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगा। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में और कई कदम उठाए जाएंगे व पाबंदियां लगाई जाएंगी। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं पर अस्थाई रूप से रोक कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं पर अस्थाई रूप से 20 मार्च से 31 मार्च तक के लिए रोक लगा दी गई है। मध्य प्रदेश परिवहन प्राधिकरण ने इसकी जानकारी दी है। केरल में भी स्थिति खराब केरल में गुरुवार को कोरोना के 1,899 नए मामले सामने आए और 15 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक कुल 10.98 लाख मामले सामने आ गए हैं और 4,450 लोगों की मौत हो गई है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कहा कि राज्य में पिछले 24 घंटों में 54,314 नमूनों का परीक्षण किया गया है। अब तक 1.25 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। दिल्ली में लगातार बढ़ रहे मामले राजधानी में कोरोना की संक्रमण दर भले ही अभी एक फीसद से कम है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। इससे संक्रमण दर 0.66 फीसद से बढ़कर 0.76 फीसद हो गई। लिहाजा 71 दिन बाद कोरोना के नए मामले 600 के पार पहुंच गए। बृहस्पतिवार को 607 नए मरीज मिले हैं। इससे पहले छह जनवरी को 654 मरीज मिले थे। एक दिन पहले 536 मामले आए थे। इससे दो दिन में ही 1143 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इससे सक्रिय मरीजों की संख्या करीब तीन हजार पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में 384 मरीज ठीक हुए हैं और एक मरीज की मौत हुई है।
इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान शुक्रवार को हो गया। बीसीसीआई ने ट्वीट कर 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी-20 में अर्धशतक जड़ने वाले सूर्यकुमार यादव को वनडे टीम में जगह मिली है। वहीं, स्पिन ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या और युवा तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। विजय हजारे ट्रॉफी में 14 विकेट लेने वाले कर्नाटक के पेसर कृष्णा को भारतीय टीम में डेब्यू के लिए मौका मिल सकता है। बड़ौदा के कप्तान क्रुणाल ने भी विजय हजारे ट्रॉफी 2020-21 सीजन में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था। उन्होंने 5 मैचों 129.33 की औसत से 388 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। बता दें कि सूर्यकुमार यादव ने डेब्यू पारी में अर्धशतक जड़ सभी को प्रभावित किया। उन्होंने 31 गेंदों पर शानदार 57 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 छक्के और 6 चौके जड़े। सूर्यकुमार की पारी की बदौलत भारत इंग्लैंड को 8 रनों से हराने में कामयाब रहा। सूर्यकुमार को मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। अब वनडे टीम में शामिल होने के साथ उनको एक और इनाम मिला है।
देश में लगातार कोरोना के मामलों में वृद्धि हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में COVID-19 के 39,726 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,15,14,331 हुई। इस दौरान हुई 154 नई मौतों के बाद अब तक कुल मौतों की संख्या 1,59,370 हो गई है। मंत्रालय के अनुसार, देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 2,71,282 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,10,83,679 है। देश में टेस्टिंग के आंकड़े भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा दिए गए। इसके अनुसार, भारत में गुरुवार तक कोरोना वायरस के लिए कुल 23,13,70,546 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 10,57,383 सैंपल कल टेस्ट किए गए। बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किया 24 घंटे का यह आंकड़ा इस साल का सबसे अधिक है। लगातार नौवें दिन संक्रमण के आए ये नए मामले कुल संक्रमण के मामलों का 2.36 फीसद है। इससे पहले पिछले साल के 29 नवंबर को 24 घंटे के दौरान 41,810 नए मामले दर्ज किए गए थे। कोरोना के बढ़ते केस के कारण महाराष्ट्र सबसे ज्यादा संकट के दौर से गुजर रहा है। यहां 25,833 नए केस दर्ज किए गए हैं। ये सितंबर के बाद सबसे बड़ा सबसे बड़ा आंकड़ा है। पिछले साल 11 सितंबर को राज्य में 24,886 केस मिले थे। मुंबई में यानी गुरुवार को 2877 नए मामले सामने आए है।
शिमला। कल यानी शुक्रवार काे फिर से कैबिनेट मीटिंग हाेगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हाेने वाली इस मीटिंग में सरकार कुछ अहम फैसले ले सकती है। विधानसभा बजट सत्र समाप्त हाेने के लिए अब दाे दिन शेष रह गए हैं और अंतिम दिन शनिवार काे बजट भी पास हाेना है। इस मसले पर भी कैबिनेट में चर्चा हाेनी है। साथ ही कुछ विभागों से संबंधित अध्यादेश पर काे भी कैबिनेट में मंजूरी मिल सकती है। बताया गया कि शुक्रवार काे बजट सत्र के बाद मंत्रीमंडल की बैठक विधानसभा परिसर में ही हाेगी।
शिमला। विधानसभा बजट सत्र में आज विपक्ष के विरोध के बीच सरकार ने हिमाचल प्रदेश राजकाेषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन संशाेधन विधेयक पारित किया। नाराज़ विपक्ष ने इस मुद्दे पर सदन से वाॅकआउट किया। सदन में पास हुए हिमाचल प्रदेश राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन संशोधन विधेयक 2021 के विरोध को लेकर सरकार ने विपक्ष को आड़े हाथ लिया है। मीडिया से बातचीत में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि यह संशोधन पुरानी गलती है, जोकि तत्कालीन वीरभद्र सिंह सरकार ने भी की है। हमने तो गलती को सुधारते हुए तुरंत संशोधन विधेयक विधानसभा में लाया है। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि तत्कालीन वीरभद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन एक्ट की अवहेलना की है। कर्ज लेने के लिए लिमिट बढ़ाने का है एफआरबीएम एक्ट यह एक्ट राज्यों द्वारा लिए जाने वाले कर्ज की लिमिट से संबंधित विधेयक है। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि वर्ष 2005 में संसद में एफआरबीएम एक्ट यानी राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन एक्ट बना। सभी प्रदेशों को एक्ट बनाने के निर्देश दिए गए। इसके तहत सकल घरेलू उत्पाद का राजकोषीय घाटा तीन फीसदी से कम रहेगा। अगर किसी साल यह तीन फीसदी से अधिक हो तो संशोधन करना जरूरी होता है। 2012 में वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार थी। 2012-13, 13-14, 14-15 में यह तीन फीसदी की लिमिट से ज्यादा हो गया। 2012-13 में 3.60, 2013-14 में 4.23, 2014-15 में 4.05 फीसदी रहा। यह एफआरबीएम एक्ट की अवहेलना थी और संशोधन लाने की जरूरत थी। पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह संशोधन एक साल के लिए है।
शिमला। प्रदेश के सरकारी विभागों में ऑउटसोर्स पर हाे रहीं नियुक्तियां सरकार नहीं करती हैं, बल्कि कंपनी ही तय करती है कि किसे नाैकरी दी जाए। विधायक कर्नल इंद्र सिंह द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री डा.राजीव सैजल ने इसकी जानकारी सदन काे दी। उन्हाेंने कहा कि मेडिकल कालेज नेरचाैक मंडी में 549 कर्मचारियाें की नियुक्तियां ऑउटसोर्स आधार पर की गई। मंत्री ने कहा कि एमओयू और टेंडर प्रक्रिया में जाे शर्तें लागू हाेती है उसी आधार पर कंपनी नियुक्तियां करती हैं। इसमें सरकार हस्तक्षेप नहीं करती है। सरकार के पास शिकायतें मिल रही हैं कि ऐसी ऑउटसोर्स कंपनियां करम्चारियाें का शाेषण भी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार उन कंपनियाें के खिलाफ जांच भी करवाएगी। चंबा के विधायक पवन नैयर ने कहा कि चंबा मेडिकल कालेज में ऑउटसोर्स कर्मचारियाें काे पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कंपनी के खिलाफ करवाई की जाएगी।
शिमला। पड़ाेसी राज्य पंजाब से ऊना में नशे की सप्लाई हाे रही है। पिछले तीन साल में 330 अपराधियाें काे गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन केस हर दिन आ रहे हैं। गगरेट से भाजपा विधायक राजेश ठाकुर ने प्रश्नकाल के दाैरान सरकार से इस संदर्भ में सवाल पूछा ताे चाैंकाने वाली जानकारी भी मिली। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अनुपस्थिति में संसदीय कार्यमंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि बीते तीन साल में जिला ऊना में 146 आरोपी चिट्टे, 82 चरस, अफीम की तस्करी करने वाले 10 आरोपियों काे हिरासत में लिया गया। विधायक राजेश ठाकुर ने सरकार के ध्यान में लाया कि डमटाल क्षेत्र में कुछ महिलाएं चिट्टे का कराेबार कर रही हैं। यहां तक की उन क्षेत्राें के ऐसे लाेगाें के पास नई-नई गाड़ियां दिख रही हैं। उन्हाेंने सरकार से ऐसे लाेगाें की संपत्तियाें काे सील करने की अपील भी की। जवाब में सुरेश भारद्वाज ने कहा कि ऐसे संदिग्ध लाेगेां की संपत्तियाें काे सील करने के लिए ईडी से भी मंजूरी मांगी जा रही है।
उत्तराखंड नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कभी ये नहीं सोचा होगा कि सीएम बनने के बाद उनका एक बयान ऐसा बवाल कर देगा। युवाओं के फटी जींस पहनने संबंधी बयान पर सोशल मीडिया पर उन्हें अब जमकर ट्रोल किया जा रहा है। सीएम के इस विवादित बयान पर अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा के बाद अब एक्ट्रेस गुल पनाग ने भी मुख्यमंत्री पर तंज कसा है। ट्विटर पर तीरथ सिंह रावत को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। एक्ट्रेस गुल पनाग ने भी ट्विटर पर सीएम की आलोचना की है। दरअसल, सीएम तीरथ सिंह रावत देहरादून में एक वर्कशॉप में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के रिप्ड जींस पहनने पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा था, 'आजकल महिलाएं फटी जीन्स पहन कर चल रही हैं, क्या ये सब सही है?ये कैसे संस्कार है? बच्चों में कैसे संस्कार आते है, ये अभिभावकों पर निर्भर करता है'। इसके चलते गुल पनाग ने दो ट्वीट किए। पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा कि रिप्ड जींस निकाल लो। वंही, अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने अपनी और अपनी बेटी की एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में गुल पनाग और उनकी बेटी ने रिप्ड जींस पहनी हुई है। गुल पनाग के इस ट्वीट पर काफी लोग कमेट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- 'ये काफी कंफर्टेबल होती है?' इस पर गुल पनाग ने प्रतिक्रिया दी, 'ये 11 साल पुरानी जींस है'। इसलिए खराब हो गई, नहीं-नहीं फट गई'। गुल पनाग के साथ कई महिला यूजर्स रिप्ड जींस में अपनी तस्वीरें ट्विटर पर शेयर कर रही हैं। ट्विटर पर आज सुबह से ' हैशटैग रिप्ड जींस ट्विटर' ट्रेंड कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया पहुंचे। उन्होंने यहाँ राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने 'TMC' का मतलब 'ट्रांसफर माय कमीशन' बताते हुए सरकार पर कमीशन लेने का तंज कसा है। वहीं, उन्होंने मंच से नंदीग्राम में प्रचार के दौरान घायल हुईं बनर्जी के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने सरकार पर माओवादियों का समर्थन करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने सीएम बनर्जी के खेल होबे नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा 'दीदी बोले खेल होबे, बीजेपी बोले चाकरी होबे. दीदी बोले खेल होबे, बीजेपी बोले विकास होबे. दीदी बोले खेल होबे, बीजेपी बोले शिक्षा होबे.' उन्होंने कहा कि खेल शेश होबे, विकास आरंभ होबे। टीएमसी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी सरकार ने कुछ नहीं किया, बल्कि पुरुलिया को पानी की समस्या के साथ छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि टीएमसी खेल खेलने में लगी हुई है, उन्होंने किसानों को छोड़ दिया है। पीएम ने कहा कि TMC ने पुरुलिया के लोगों के जीवन को जल संकट में छोड़ दिया है। उन्होंने सरकार पर पुरुलिया को पिछड़ा क्षेत्र बनाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने रैली में कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग 10 सालों तक खराब शासन के लिए ममता बनर्जी को सजा देंगे। उन्होंने राज्य की पुरानी सरकारों पर विकास नहीं करने के आरोप लगाए। पीएम मोदी की इस रैली को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बड़े अभियान के तौर पर देखा जा रहा था।
संक्रमण के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ते दिखाई पड़ रहे हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या हर दिन रिकॉर्ड तोड़ रही है। देश में पिछले 24 घंटे के अंदर 35 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना के नए मामले सामने आने के बाद देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1,14,74,605 हो गई है। पिछले 24 घंटे में कारोना वायरस संक्रमण के 35,871 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 171 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक 1 करोड़ 10 लाख 63 हजार 25 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि इस समय 2 लाख 52 हजार 364 एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में हुई मौतों के बाद देश में मृतकों की संख्या बढ़कर अब 1 लाख 59 हजार 216 हो गई है। आईसीएमआर के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे के अंदर 10,63,379 कोरोना जांच की गई है। वंही, महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 23,179 नए मामले सामने आए जो 2021 में एक दिन में दर्ज किए गए सबसे अधिक मामले हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि नए मामलों को मिलाकर राज्य में संक्रमण के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 23,70,507 हो गई है। बुधवार को इस महामारी से 84 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 53,080 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दिन के दौरान 9,138 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई जिससे स्वस्थ हुए लोगों की कुल संख्या 21,63,391 हो गई है। राज्य में इस समय 1,52,760 मरीज उपचाराधीन हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को लोकसभा में बड़ा ऐलान किया है। नितिन गडकरी ने कहा है कि सरकार अगले एक साल में सभी टोल प्लाजा खत्म करने की योजना पर काम कर रही है। आने वाले वक्त में टेक्नोलॉजी की मदद से लोगों को उतना ही टोल चुकाना होगा, जितना वो सड़क पर चलेंगे। अमरोहा से बीएसपी सांसद कुंवर दानिश अली ने गढ़ मुक्तेश्वर के पास सड़क पर नगर निगम की सीमा में टोल प्लाजा होने का मुद्दा उठाया। इसी पर जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री नितिनगडकरी ने कहा कि पिछली सरकार में सड़क परियोजनाओं के ठेके में थोड़ी और मलाई डालने के लिए ऐसे कई टोल प्लाजा बनाए गए, जो नगर की सीमा पर हैं। यह निश्चित तौर पर गलत है और अन्याय करने वाला है। नितिन गडकरी ने कहा कि अब अगर इन टोल प्लाजा को निकालने जाएंगे तो सड़क बनाने वाली कंपनी मुआवजा मांगेगी। लेकिन सरकार ने अगले एक साल में देश में ‘सारे टोल.खत्म’ करने की योजना बनाई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि टोल खत्म करने का मतलब टोल प्लाजा खत्म करने से है। अब सरकार ऐसी तकनीक पर काम कर रही है जिसमें आप हाईवे पर जहां से चढ़ेंगे, वहां जीपीएस की मदद से कैमरा आपकी फोटो लेगा और जहां आप हाईवे से उतरेंगे वहां की फोटो लेगा, इस तरह उतनी ही दूरी का टोल चुकाना होगा। गौरतलब है कि टोल प्लाजों के कारण लगातार लगने वाले जाम और यात्रियों को होने वाली परेशानी का मसला लंबे वक्त से उठता रहा है। अभी केंद्र सरकार ने सभी नेशनल हाइवे पर फास्टैग की सुविधा को लागू किया है, जिससे वाहन ऑटोमैटिक तरीके से बिना लाइन में लगे टोल प्लाजा पर टोल भर सकते हैं।
दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। रामस्वरूप शर्मा की पार्थिव देह सुबह पौने नौ बजे जोगेंद्रनगर पहुंची। सांसद का जोगेंद्रनगर के मछयाल स्थित श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार किया गया। यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आठ बजे जोगेंद्रनगर पहुंचने का कार्यक्रम था। लेकिन वह पौने 11 बजे के करीब जोगेंद्रनगर पहुंचे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी भी सांसद को श्रद्धांजलि देने पहुंची। इसके अलावा विधायक प्रकाश राणा, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर सहित अन्य नेता जोगेंद्रनगर पहुंचे। प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी छोटी काशी आज पूरी तरह गमगीन है, हर शख्स मौन है। एक तरफ छोटी काशी के सुदामा यानी दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा को अंतिम विदाई हो रही है, दूसरी और आठ दिन से अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में भाग लेने वाले 216 देवी-देवता भी एक साल के लिए इस गमगीन माहौल में विदाई ले रहे हैं। वंही, सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन पर व्यापार मंडल जोगेंद्रनगर के पदाधिकारियों ने शोक जताया है। शोकस्वरूप वीरवार को जोगेंद्रनगर बाजार बंद रहेगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय धरवाल व होटल, ढाबा, रेस्तरां यूनियन के अध्यक्ष समीर सूद ने व्यापारियों से सहयोग की अपील की है।
शिमला। हिमाचल में काेराेना के केस हर दिन बढ़ रहे हैं। बुधवार काे राज्य में 167 नए केस सामने आए हैं। जबकि 52 लाेग स्वस्थ हाे गए। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिला बिलासपुर में 13, हमीरपुर 18, कांगड़ा 33, किनौर 3, कुल्लू 2, मंडी 5, शिमला 15, सिरमौर 11, साेलन 25 और जिला ऊना में सबसे अधिक 42 नए केस आए हैं। ऐसे में अब हिमाचल में काेराेना के एक्टिव केस 935 हाे गए हैं।
मुख्यमंत्री ने ऊना निवासी संजीव कुमार के अवशेषों को वापिस लाने के लिए केंद्रीय मंत्री से उठाया मामला
शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केंद्रीय विदेश मंत्री डाॅ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर से ऊना जिले के मोहल्ला गुरुसर वार्ड नंबर 2 के निवासी संजीव कुमार के अवशेषों को वापस हिमाचल प्रदेश लाने के लिए निजी हस्तक्षेप का आग्रह किया है ताकि उनका अंतिम संस्कार हिंदू परंपराओं के अनुसार किया जा सके। केंद्रीय विदेश मंत्री को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि संजीव कुमार 1999 से सऊदी अरब में मैसर्स सलीम अब्दुल्ला साद-अल-साकर के साथ ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहे थे और इस वर्ष 24 जनवरी को जद्दाह क्षेत्र के बेश अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद उनके परिवार ने भारतीय दूतावास से संपर्क किया ताकि मृतक के शवों को हिंदू संस्कार के अनुसार दाह संस्कार के लिए भारत लाया जा सके। हालांकि 18 फरवरी, 2021 को कंपनी के मालिक ने शोक संतप्त परिवार को सूचित किया था कि उन्होंने कब्रिस्तान में संजीव कुमार के शरीर को दफन कर दिया है। उन्होंने मृत्यु प्रमाण पत्र और दफनाने की एक प्रति भी परिवार को भेज दी जिसमें संजीव कुमार का धर्म गलत तरीके से मुस्लिम उल्लेखित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार के साथ-साथ राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय के साथ इस मामले में धार्मिक सिद्धांतों के खिलाफ शव दफनाने के बारे में जानकारी दी है और मंत्रालय से अनुरोध किया है कि संजीव कुमार के अवशेषों को वापस लाने के मामले में हस्तक्षेप करें ताकि हिंदू धर्म के अनुसार उनका दाह संस्कार किया जा सके।
शिमला। मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा की आकस्मिक निधन पर हिमाचल प्रदेश विधानसभ सदन ने उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दी। बुधवार कसे सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से हाेनी थी, लेकिन सांसद के निधन की सूचना मिलने पर शाेकाेद्धघार प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन में शाेकाेद्धघार प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसमें सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्याें ने भाग लेकर सांसद काे श्रद्धांजलि दी। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा एक मिलनसार नेता थे। संगठन के लिए दिन-राम काम करना, लाेगेां से मिलना और लाेगाें के बीच रहना उनकी खासियत थी। उन्हाेंने कहा कि मुझे यकीन नहीं हाे रहा है कि सांसद राम स्वरूप शर्मा का निधन कैसे हुआ? नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहाेत्री ने कहा कि राम स्वरूप शर्मा ने हमेशा से ही दलगत राजनीति से उठ कर काम किया। संसदीय कार्यमंत्री सुरेश भारद्वाज, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, वन मंत्री राकेश पठानिया, विधायक राकेश जम्वाल और प्रकाश राणा ने शाेकाेद्धघार में भाग लिया। इस दाैरान सभी विधायकों ने दाे मिनट का माैन भी रखा।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कारोना के मामले फिर से बढ़ने लगे है। पंजाब में बढ़ रहे कारोना मामलों पर भी हिमाचल चिंतित है जिसको देखते हुए ऊना के मेढ़ी मेले में आने वाली भीड़ पर नज़र रखने के निर्देश जारी किए गए है। प्रदेश में फ़िर से बढ़ रहे कारोना मामलों के चलते सरकार 20 मार्च तक नज़र बनाने के बाद पाबंदियों पर विचार करेगी। देश में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना वेक्सीनेशन को बढ़ाने, व गावों में टेस्टिंग को बढ़ाने कोरोना टीकाकरण को गंभीरता से लेने को कहा। पीएम ने दवाई भी और कड़ाई का भी प्रयोग करने को कहा है।मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में कोविड -19 वेक्सीनेशन व आरटीपीसीआर टेस्ट को बढ़ाने की बात कही है। वैक्सीन की वेस्टेज नही होनी चाहिए इस पर प्रधानमंत्री ने बल दिया। माइक्रो कंटेंमेंट जॉन बनाने को कहा गया है। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करने को भी कहा गया है ताकि कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके। प्रदेश में होने वाले मेलों में एसओपी का पालन किया जाएगा। पोलिटिकल व अन्य समारोह पर रोक को लेकर दो तीन दिनों के बाद कि स्थिति को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि पंजाब में कारोना के मामलों को देखते हुए ऊना मेले में श्रद्धालुओं के आने पर सख़्ती बरती जाएगी। जिसको लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री से बातचीत की जाएगी।
कोविड-19 पॉजिटिव विद्यार्थियों की परीक्षा अब नहीं रुकेगी। कोविड-19 पॉजिटिव भी अपनी परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इंतजाम कर लिए हैं। अप्रैल से शुरू हो रही वार्षिक परीक्षाओं में इस बार कोविड-19 के विशेष इंतजाम हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा किए गए हैं। अगर कोई विद्यार्थी परीक्षा की तय तिथियों में कोरोना संक्रमित होता है तो भी उसे परीक्षा से वंचित नहीं रखा जाएगा, इसके लिए अलग से व्यवस्था की गई है। शिक्षा बोर्ड की ओर से पॉजिटिव परीक्षार्थी के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा देने से पहले विद्यार्थियों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। इस दौरान यदि किसी बच्चे को बुखार या जुकाम लगता है तो उसकी भी परीक्षा उसी दिन ली जाएगी। परीक्षाएं कोविड-19 एसओपी गाइडलाइन के तहत होंगी। कैसे बच्चों की परीक्षा लेनी है, क्या सावधानियां इस दौरान अपनाई जाएंगी, इंविजलेटर को क्या सावधानियां बरतनी हैं, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। कोविड-19 संक्रमित विद्यार्थी की उत्तरपुस्तिका का पैकेट कैसे बनाना है तथा उसको सही तरीके से सैनिटाइज किया जाना है, संबंधी विभिन्न सुरक्षा उपायों को अपनाया जाएगा। लेकिन परीक्षा निर्धारित तिथि को ही होगी।
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ प्रचार कर लौटे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के 2 बड़े बयानों ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इसके साथ ही गाजियाबाद जिला प्रशासन को भी एक बार फिर परेशानी में डाल दिया है। उत्तर प्रदेश के मथुरा में किसान नेता राकेश टिकैत ने पहले बयान में धरना स्थल पर पक्के निर्माण की बात कही है, तो वहीं दूसरे बयान में उन्होंने कहा है कि जरूरत पड़ने पर दिल्ली-नोएडा स्थित चिल्ला बॉर्डर को दोबारा सील किया जाएगा। इन दोनों बयानों लोग परेशान हैं, क्योंकि चिल्ला बॉर्डर बंद होने से दिल्ली के साथ नोएडा के भी हजारों लोगों का आवागमन पूर्व की तरह बाधित हो जाएगा। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के एक बार फिर से उग्र होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि किसानों की समिति ने अभी तक इसके लिए तिथि पर फैसला नहीं लिया है लेकिन मैं यह बताना चाहता हूं कि किसान तीनों कानूनों के खिलाफ है। सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए 26 मार्च को भारत बंद का एलान कर चुके हैं। यदि ऐसा होता है तो एक बार फिर नोएडा से दिल्ली और दिल्ली से नोएडा आने वालों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी हो सकती है।
भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के आकस्मिक निधन पर हिमाचल प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। अब सिर्फ जलेब निकलेगी। प्रदेश विधानसभा में भी आज की कार्यवाही कल तक शोक में स्थगित कर दी गई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रामस्वरूप के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया- हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद रामस्वरूप शर्मा की आकस्मिक मृत्यु के समाचार से व्यथित हूं। एक साधारण परिवार में जन्मे, रामस्वरूप का व्यक्तित्व बहुत सरल था। वे क्षेत्र के विकास के लिए सदैव समर्पित रहते थे। उनके परिवार-जनों व समर्थकों को मेरी शोक संवेदनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया- रामस्वरूप शर्मा जनता के प्रति एक समर्पित नेता थे। लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे। आकस्मिक निधन की खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं। सीएम जयराम ठाकुर ने ट्वीट किया- छोटी काशी मंडी के लोकप्रिय, सरल स्वभाव व ईमानदार सांसद रामस्वरूप शर्मा के असामयिक निधन की खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि नरेंद्र मोदी जब हिमाचल के प्रभारी थे तो रामस्वरूप शर्मा को संगठन महामंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था। वे अनेक पदों पर काम करते रहे। मंच पर जाने से भी संकोच करते थे। संगठन मंत्री के नाते पीछे ही रहते थे, पर संगठन के लिए समर्पित थे।
देश में कोरोना वायरस के मामले पिछले साल की तरह एक बार फिर तेजी से बढ़ रह है। इस बीच महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा में कोरोना के नए मामलों ने सरकारों की टेंशन बढ़ा दी है। गुजरात सरकार ने अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में नाइट कर्फ्यू को 31 मार्च तक बढ़ा दिया है। मध्य प्रदेश ने भी पड़ोसी राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए भोपाल और इंदौर शहर में नाइट कर्फ्यू लागू किया है। वहीं, महाराष्ट्र की उद्धव सरकार ने पुणे, औरंगाबाद, नागपुर में पहले ही पाबंदियां लागू कर दी हैं। महाराष्ट्र और पंजाब के बाद गुजरात में भी बढ़ते मामलों के कारण स्कूलों में एक बार फिर ताला लगना शुरू हो गया है। गुजरात में 31 मार्च तक नाइट कर्फ्यू कोरोना के मामलों में उछाल को देखते हुए गुजरात सरकार ने मंगलवार को चार महानगरों- अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में नाइट कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया। राज्य सरकार द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि इन चारों शहरों में 17 मार्च से 31 मार्च तक रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच कर्फ्यू रहेगा। हालांकि, गुजरात के इन शहरों में पहले से ही नाइट कर्फ्यू लगा हुआ था, लेकिन इसका समय रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक था। इसके अलावा अहमदाबाद के सभी उद्यानों और पार्कों को अगले आदेश तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इस दौरान कांकरिया झील और चिड़ियाघर भी बंद रहेंगे। मध्य प्रदेश में होली पर नहीं होगा सामूहिक कार्यक्रम कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने कई अहम फैसले किए हैं। भोपाल और इंदौर शहर में रात दस बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। जबलपुर और ग्वालियर शहर में रात दस बजे से सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। इसके साथ ही मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, रतलाम, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, बैतूल और खरगोन जिले में होली उत्सव के दौरान कहीं कोई सामूहिक कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे। मध्य प्रदेश के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सोमवार को निर्देश जारी कर वहां से आने वाले लोगों को सात दिन तक क्वारंटाइन करने के निर्देश दिए थे। महाराष्ट्र में स्कूलों को सख्त निर्देश महाराष्ट्र में कोरोना से सबसे ज्यादा हालात खराब हैं। रोजाना बढ़ रहे संक्रमण के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने लोगों से नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है। इसके मद्देनजर पुणे, औरंगाबाद, नागपर, अमरावती, परभणी समेत 10 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। वहीं, बृहन्मुंबई नगर निगम ने स्कूलों को 17 मार्च से शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिती को 50 फीसद तक सीमित करने को कहा है। इशके साथ ही स्कूलों को वर्क फ्रॉम होम पैटर्न के तहत ई-लर्निंग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।


















































