हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 27 नवंबर को प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के साथ संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक तय करने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जिला शिमला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने आभार प्रकट किया है। महसंघ ने प्रदेश स्तरीय समस्याओं के समाधान होने की आशा व्यक्त की हैI जिला शिमला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष गोपाल झिलटा, महासचिव विनोद शर्मा व समस्त जिला कार्यकारणी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि लगभग 4 वर्ष बाद ये जेसीसी की बैठक हो रही है। जिसमें कर्मचारियों की लंबित मामलों पर चर्चा होगी और आशा है कि अधिकांश उचित मांगों का निपटारा होगा। उन्होंने कहा है कि जिला शिमला की महत्त्वपूर्ण मांग राजधानी भत्ता को बढ़ाने की होगी। इससे 400 से 1000 रुपये किया जाना चाहिए, क्योंकि जिला शिमला में पर्यटन नगरी होने के कारण मँहगाई की मार अधिक होती है। मँहगाई को ध्यान में रखते हुए इसे बढ़ाना बहुत आवश्यक है। दोनों कर्मचारी नेता ने कहा है कि मुख्यमंत्री कर्मचारी हितैषी है। 27 नवंबर को जेसीसी में सभी उचित मांगो को मान कर कर्मचारिओं की अपेक्षाओं और भावनाओं पर खरा उतरेंगे और कर्मचारिओं का विश्वास जीतेंगे।
जल शक्ति, बागवानी, राजस्व तथा सैनिक कल्याण मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने कुल्लू स्थित परिधि गृह में जल शक्ति, राजस्व, बागवानी तथा सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों से बैठक कर इन विभागों द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जिला में जेजेएम के तहत किए जा रहे कार्य को गति प्रदान कर निर्धारित अवधि में पूरा करें। ताकि हर घर को नल व जल की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जेजेएम के तहत आनी उपमंडल के अंतर्गत दोनों विकास खंडों में 43 पेयजल योजनाओं का कार्य चला हुआ है तथा इस पर 55 करोड़ रूपए व्यय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेजेएम के तहत 15-20 क्षेत्र में कुछ कार्य बचा हुआ है। सभी घरों को नल की सुविधा उपलब्ध हो, कोई भी घर नल की सुविधा से नहीं छूटना चाहिए।
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने केंद्र सरकार से घरेलू एलपीजी सिलेंडर को जीएसटी से मुक्त करने की मांग की है। रोहित ठाकुर ने प्रेस में ज़ारी ब्यान में कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल 2014 में घरेलू गैस की क़ीमत ₹410 रुपए प्रति सिलेन्डर हुआ करती थी। लेक़िन अब केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा जीएसटी वसूल करने से 2014 के मुकाबले घरेलू गैस की क़ीमत में 144% बढ़ोतरी हुई है। जिससे सिलेन्डर के दाम ₹1000 रुपये का आंकड़ा पार कर चुके है। एक ओर जहां घरेलू सिलेन्डर पर अतिरिक्त कर का बोझ बढ़ा है, वहीं ग्राहकों को मिलने वाली सब्सिड़ी में भी हेर-फेर हो रहा है। रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में अधिकतर ग्राहकों की घरेलू गैस पर मिलने वाली सब्सिडी पिछले डेढ़ वर्ष से बन्द पड़ी है और कुछ ग्राहकों को नाममात्र ₹28 से ₹32 रुपए सब्सिड़ी दी जा रहीं हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से Price Index के अनुसार एलपीजी गैस पर DBT के माध्यम से अनुदान दिए जाने की मांग की हैं। डबल इंजन सरकार की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश में बाग़वान, व्यापारी, मजदूर, पर्यटन उद्योग से जुड़े उद्यमी और पढ़े-लिखे युवा कठिन दौर से गुज़र रहे है। रोहित ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन सरकार की ग़लत आर्थिक नीतियों और जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ़ उप-चुनाव में प्रदेश की एक तिहाई जनता के जनादेश से भाजपा को 4-0 से मिली करारी हार से स्पष्ट हैं कि प्रदेश की जनता 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार की सत्ता से विदाई करेगीं।
राजगढ़ उपमंडल में 12 नवम्बर 21 स्थानों पर कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी। जिसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। यह जानकारी एसडीएम एवं अध्यक्ष उपमंडलीय कोविड टास्क फोर्स कमेटी राजगढ़ सुरेन्द्र मोहन ने दी। उन्होंने बताया कि 12 नवम्बर को पंचायत घर टाली भुज्जल, कोठिया जाजर तथा पंचायत घर करगाणू, राजकीय प्राथमिक स्कूल पखोग, शरयुत, रोहड़ी, नेहरटी, शावगा, कोटिमाओगा, दूनदेरिया व बड़गला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटि पधोग, हाब्बन व डिम्बर स्वास्थ्य उपकेंद्र जदोल टपरोली, देवठी मझगांव व बलग, आयुर्वेद्विक स्वास्थ्य केंद्र शिलांजी, आंगबाडी केंद्र शलाना व फागू तथा सिविल अस्पताल राजगढ़ में कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी। उन्होंने उपमंडल के लोगों से कोविड वैक्सीन के दूसरी डोज लगवाने का आग्रह किया।
राजकीय महाविद्यालय मटौर में गुरुवार को भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अब्दुल कलाम आज़ाद कि जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ अतुल आचार्य ने मौलाना अब्दुल कलाम के जीवन पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने मौलाना की भारत की आज़ादी की लड़ाई में उनकी सक्रिय भूमिका के विषय में भी विद्यार्थियों को बताया। भारत के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में उनकी शिक्षा के क्षेत्र में भूमिका और साथ ही उनके द्वारा स्थापित की गयी संगीत, नाटक अकादमी, साहित्य अकादमी एवं ललित कला अकादमी की जानकारी दी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की स्थापना उनके उल्लेखनीय कार्यों में से एक है। आज के कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या प्रो शुभ्रा गुप्ता ने की। विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए शिक्षा का जीवन में क्या महत्व है इस विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के ज़िंदगी के कुछ रोचक पहलुओं को भी विद्यार्थियों के साथ साँझा किया और सभी को ऐसी महान हस्तियों के जीवन से तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अन्य आचार्य भी मौजूद रहे।
शहरी विकास आवास नगर नियोजन विधि संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने विकास नगर हॉउसिंग बोर्ड कोलोनी में हुई आगजनी से प्रभावित मकान का दौरा किया और इस घटना में मृतक के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होनें बताया कि अग्निशमन व पुलिस व प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आग पर काबू पा लिया गया तथा साथ लगते मकानों, परिवारों व कॉलोनी को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। उन्होनें कहा कि राहत नियमों के आधार पर मृतक के परिवार को क्षतिपूर्ति कर दी जाएगी। उन्होनें बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। क्षेत्र के अन्य लोगों से भी बातचीत कर जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कुसुम्पटी मण्डल अध्यक्ष जितेन्द्र भोटका, उपमण्डलाधिकारी बी आर शर्मा तथा पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
डमटाल के लोधवां में लगा स्टोन क्रेशर जो की विभागीय कागजों में पिछले 2 वर्षों से बंद पड़ा है। इसके बावजूद क्रेशर संचालक लगातार अपने प्लांट को चलाकर मोटी कमाई करते हुए हिमाचल के राजस्व को करोड़ों रुपए की चपत लगा रहा है। लोधवां गांव में लगा स्टोन क्रेशर जिसके खनन विभाग द्वारा लीज और मान्यता रद्द कर दी गई है। विद्युत विभाग को इस प्लांट पर लगे विद्युत कनेक्शन को काटने के लिए लिखित में दिया गया था। क्योंकि क्रशर संचालकों द्वारा प्लांट चलाने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई थी। जिसके बाद भी खनन विभाग ने क्रशर प्लांट पर लीज रद्द कर प्लांट को बंद करने के आदेश जारी किए थे और विद्युत सप्लाई भी काट दि गयी थी। क्रशर संचालक बंद पड़े क्रशर को बिजली चोरी करते हुए और अवैध खनन को अंजाम देते हुए अवैध रूप से क्रेशर चला रहा है। रोजाना प्लांट से निकलने वाले दर्जनों रेत बजरी के भरे ओवरलोड वाहनों की कतारें खनन व विद्युत विभाग व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को नहीं दिख रहे। जिससे यह साफ जाहिर होता है कि प्रशासन की मिलीभगत से अवैध रूप से क्रेशर प्लांट को चलाया जा रहा है |
ज्वालामुखी उपमंडल के बाल विज्ञान मेले का आयोजन कन्या विद्यालय ज्वालामुखी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रवीण शर्मा द्वारा किया गया। इस विज्ञान मेले में विज्ञान प्रश्नोतरी, मैथेमैटिक्स ओलम्पियाड, सांइस एक्टिविटी कार्नर के जूनियर, सीनियर व सीनियर सेकंडरी वर्ग में लगभग 390 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लिया। विज्ञान प्रश्नोतरी के जूनियर(ग्रामीण) वर्ग में प्रथम - लौरेट ग्लोबल स्कूल कथोग से सक्षम व प्रज्ञा, द्वितीय - राउपा डोल से कंचन व शिवम, तृतीय - आरएनटी रेखा से हर्षिता व वैभव, जूनियर (शहरी) वर्ग में प्रथम - महात्मा गांधी स्कूल ज्वालामुखी से अंशुमन व कशिश, द्वितीय - रावमापा (बाल) ज्वालामुखी से लक्ष्य व अक्षित, सीनियर (ग्रामीण) वर्ग में प्रथम - डीएवी भड़ोली से अक्षित व माही, द्वितीय - आरएन टी रैंखा से एंजेल व रीतिका, तृतीय (संयुक्त रूप से ) - यूनिक मॉडल स्कूल कथोग से सिमरन, प्राची व रायपा अम्ब पठियार से अक्षिता व पायल सीनियर(शहरी) वर्ग में प्रथम - रावमापा (कन्या) ज्वालामुखी से सिमरन व जिया, द्वितीय - रावमापा (बाल) ज्वालामुखी से गणेश व सागर , तृतीय - महात्मा गांधी स्कूल ज्वालामुखी से सरगम व विनायक रहे। त्रिदिवसीय बाल विज्ञान मेले के सफल आयोजन में समस्त रिसोर्स पर्सन, कार्यक्रम समन्वयक रविन्द्र शर्मा, राजेश कुमार व धनवीर सिंह, स्थानीय पाठशाला के समस्त स्टाफ व प्रधानाचार्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विश्व पत्रकार महासंघ की विशेष बैठक आज ज्वालामुखी के अंबा होटल में संपन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक संजय कुमार शुक्ला ने की तथा इसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। इस बैठक में बताया गया कि विश्व पत्रकार महासंघ किस तरह से पत्रकारों की प्रमुख मांगों को राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर सरकार के ध्यान में रख रहा है और पत्रकारों के हितों की समय-समय पर मांग बुलंद कर रहा है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार शुक्ला ने संघ के कार्यों, गतिविधियों और उद्देश्यों के बारे में उपस्थित पत्रकारों के समक्ष विस्तार से बखान किया और बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों के हितों की आवाज हमेशा संघ उठाता रहेगा और उनके अधिकारों की रक्षा करने के लिए हमेशा आगे खड़ा रहेगा। इस मौके पर कई गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया l
केंद्रीय विद्यालय नलेटी ने राष्ट्रीय शिक्षा दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा तीसरी से लेकर बाहरवीं तक के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य स्वाति अग्रवाल के द्वारा मौलाना अब्दुल कलाम आजाद की प्रतिमा के माल्यार्पण के साथ हुई। संजीव कुमार पीजीटी रसायन विज्ञान ने बच्चों को इस दिन की महत्ता के बारे में बताया। उसके बाद बच्चों के लिए निबंध लेखन, नारा लेखन, कार्ड मेकिंग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने इस शुभ अवसर पर शिक्षा से संबंधित एक रैली भी निकाली। विद्यालय की प्राचार्य स्वाति अग्रवाल ने बच्चों को इस दिन की शुभकामनाएं दी और अपनी शिक्षा में दिन प्रतिदिन उन्नति करने के लिए प्रेरित किया।
भारतीय स्वेदशी खेल ड्रॉप रो बॉल महासंघ का एक प्रतिनिधिमडल बोर्ड के चेयमैन विशाल चौहान की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से उनके निवास स्थान हमीरपुर में मिला। इस दौरान ड्रॉप रो बॉल हिमाचल के सदस्य अनिल शर्मा एवं वीरेंद्र ठाकुर मौजूद रहे। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो.प्रेम कुमार धूमल ने नेरवा में हो रही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए आयोजन कर्ताओ को शुभकामनाएँ दी है। उन्होंने कहा कि वो ड्रॉप रों बॉल हिमाचल प्रदेश की आठवीं खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई देते है और उम्मीद करते है की इस प्रतियोगिता से प्रदेश को अच्छे खिलाडी़ मिलेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश महासंघ के पदाधिकारी व खिलाड़ी केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से दिल्ली स्थिति उनके आवास पर मिल चुके हैं। अनुराग ठाकुर ने भी इस खेल की सराहना करते हुए कहा था कि यह सस्ता व छोटे मैदानों पर आसानी से खेला जाने वाला खेल है। जो हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के लिए एक बेहतर विकल्प है। उन्होनें आश्वासन दिया था की वो इस खेल के विकास के लिए यथासंभव मदद करेंगे। ड्रॉप रों बॉल बोर्ड के सचिव गोविन्द सिंह चाईंक ने बताया कि नेरवा में 12 नवम्बर से 14 नवम्बर तक प्रतियोगिता आयोजित हो रही। राज्य स्तरीय ड्रॉप रो बॉल प्रतियोगिता के समापन के बाद जल्द ड्रॉप रो बॉल महासंघ का एक प्रतिनिधि मंडल अनुराग ठाकुर से मिलने दिल्ली जाएगा।
इंदौर के तारा खड में सरेआम दिनदहाड़े भारी मशीनरी द्वारा खनन कर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। गौरतलब है कि जिस जगह पर खनन हो रहा है वहां से इंदौरा पंचायत का श्मशान घाट महज 1 मीटर की दूरी पर स्थित है तथा वहां से कोडसा पंचायत में स्थित गुजरबस्ती कुछ ही मीटर के फासले पर है। अगर तारा खड में इस प्रकार खनन होता रहा तो वह दिन अब दूर नहीं जब इंदौरा का श्मशान घाट और ग्राम पंचायत में स्थित गुर्जर बस्ती की जमींन बैठ जाएगी। वंही इस बारे में जब खनन अधिकारी राजीव कालिया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सहायक निरीक्षक को मौके पर भेज कर स्थिति का जायज़ा लिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के 1858 अधिकारियों और कर्मचारियों को बोनस और प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। बुधवार को बैंक के शिमला के सांगटी स्थित परिसर में हुई निदेशक मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैंक के सभी नियमित, अनुबंधित, दैनिक वेतनभोगी व अंशकालिक कर्मचारियों को बोनस व प्रोत्साहन राशि के तौर पर 7.79 करोड़ का वित्तीय लाभ प्राप्त होगा। इसके तहत 25 हजार से एक लाख रुपये तक की राशि कर्मचारियों के खाते में आएगी।
हिमाचल प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने कनलोग में अगस्त में पांच साल की बच्ची को तेंदुए द्वारा उठाने और उसके मारे जाने पर कड़े आदेश जारी किए हैं। आयोग ने इस तेंदुए को तत्काल जिंदा पकड़ने या तुरंत मारने के संस्तुति आदेश जारी किए हैं। यह आदेश सभी पक्षों को सुनने और आयोग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट आने के बाद जारी हुए हैं। एक महीने के भीतर आसपास के सभी तेंदुओं को भी चिह्नित और टैग करने के लिए कहा है। साथ ही बच्ची की दादी को भी चार लाख रुपये की पूरी मुआवजा राशि देने के आदेश दिए हैं। यह आदेश ठीक ऐसे वक्त में आया है, जब डाउनडेल में दिवाली की रात एक और बच्चे को तेंदुआ उठा ले गया था। इससे पहले कनलोग में 5 अगस्त 2021 को पांच साल की बच्ची को तेंदुआ उठा ले गया था। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति पीएस राणा और सदस्य डॉ. अजय भंडारी ने निर्णय में कहा कि यह मानवाधिकार हनन का मामला है। इस तेंदुए को मानव जीवन के लिए खतरा घोषित किया जाता है। तेंदुए ने इस छोटी बच्ची को इरादतन और पहले से ही सुनियोजित तरीके से मारा। अगर उस आदमखोर तेंदुए को पकड़ा जाना संभव नहीं है तो उसे तत्काल मारा जाना चाहिए। डीएफओ शहरी शिमला एवं वाइल्ड लाइफ वार्डन तेंदुए का तत्काल डेथ वारंट जारी करें।
बुधवार को भारत स्काउट एंड गाइड हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय सोलन की रोवर रेंजर इकाई द्वारा इच्छुक रोवर्स और रेंजर्स का प्रवेश परिक्षण करवाया गया। इच्छुक रोवर्स रेंजर्स गंभीरता एवं अनुशासन से परिक्षण के दौरान मौजूद रहे। सब कुछ सुचारू रूप से किया गया। परिक्षण दो भागो में लिया गया, लिखित एवं मौखिक। जिसमे सिलेबस के अंतर्गत कई चीज़ें जैसे, स्काउटिंग इतिहास, झंडा गीत, नियम, कर्तवय एवं स्काउट संकेत जैसी चीज़ें, इच्छुक रोवर रेंजर्स से पूछी गयी। बता दें कि प्रवेश परिक्षण, स्काउटिंग में प्रवेश प्रथम पड़ाव है। इसे उत्तीर्ण करने के पश्चात इच्छुक रोवर्स रेंजर्स, पूर्ण रूप से रोवर रेंजर् कहलाते हैं। जानकारी के लिए बता दें कि इसके पश्चात रोवर रेंजर्स कई अन्य पड़ावों को पार कर, अपनी एडवांसमेंट करते है। जिसमें निपुण परीक्षा, राज्य पुरस्कार परीक्षा तथा राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षण शामिल है। आज का प्रवेश परिक्षण यूनिट के रोवर लीडर भूपेश ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। जिसमे अन्य सीनियर रोवर्स रेंजर्स भी शामिल रहे ।
प्रकाशो देवी(80) पत्नी स्वर्गीय गनर जीत सिंह, गांव छडंबू,(घरना) तहसील खुंडिया पिछले छह सात सालों से अपने पति की पैंशन के लिए गुहार लगाए बैठी थी। उस के पास अपने पति की पैंशन संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं है जिस के अभाव में पैंशन का केस आगे नहीं बढ पाया। रिकार्ड आफिस से भी जानकारी लेने की कोशिश की गई लेकिन जीत सिंह का सही आर्मी नंबर ने मिलने के कारण केस आगे नहीं बढ पाया। बिना पैंशन या कोई आर्थिक सहायता के प्रकाशो देवी का जीवन संकट मे गुजरने लगा। इस के दो बेटे हैं और मजदूरी कर के अपना परिवार पालते हैं। दो महीने पहले ही जीत सिंह का सही आर्मी नंबर का पता चला। उसी समय पूर्व सैनिक संगठन खुंडिया के अध्यक्ष सेवानिवृत्त ले कर्नल एम एस राणा ने पैंशन संबंधित आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही स्टेशन हेडक्वार्टर योल से अनुरोध किया कि प्रकाशो देवी को आर्थिक मदद दी जाए।आर्मी ने तुरंत केस का वेरीफिकेशन किया और ₹100000 (एक लाख) की मदद राशी दी। आज लैटर की कापी दिखाते हुए अध्यक्ष ने बताया कि ऐसा तहसील खुंडिया मे पहली बार हुआ है कि इतनी बड़ी आर्थिक मदद किसी बेसहारा पूर्व सैनिक की विधवा को मिली है। इस अवसर पर कैप्टन देश राज, कैप्टन संसार चंद, कैप्टन अमर सिंह, सूबेदार मेजर बिहारी लाल व सूबेदार दलीप सिंह उपस्थित रहे। सभी ने सेना का इस नेक कदम के लिए आभार व्यक्त किया है।
देहरा गुलेर बस के शाम के समय भी चल पढ़ने से इलाके के लोगों में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि यह बस दिन में देहरा से गुलेर बाया बासा मेहवा दो चक्कर लगाती थी लेकिन कोरोना के चलते यह बस पहले तो लम्बे समय तक बंद रही और उसके बाद परिवहन विभाग द्वारा इस बस को लोगों की सुविधा को देखते हुए सुबह के समय रूट पर बहाल कर दिया गया था लेकिन शाम के समय इस बस के रूट पर ना आने की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिसके बारे में परिवहन विभाग से शिव शक्ति युवा क्लब ने तथा ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों ने मांग की कि इस बस को शाम के समय भी रूट पर बहाल किया जाए ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। अब विभाग ने इस बस को शाम के समय रूट पर चला कर इलाके के लोगों को सौगात बख्शी है। शिव शक्ति युवा क्लब बासा के प्रधान बाबूराम ने बताया की देहरा गुलेर बस एक कामयाब बस रूट था और यह बस कभी संडे को भी मिस नहीं होता था क्योंकि परिवहन विभाग के लिए अच्छी कमाई कर यह बस दे रही थी। लेकिन कोरोना के चलते कई रूटों पर बसें बंद हुई थी जिसके चलते विभाग को इस बस को भी बंद करना पड़ा था। लेकिन अब विभाग ने शाम के समय इस बस को चला कर इलाके के लोगों को सुविधा दी है। इसके लिए हमारा युवा क्लब तथा ग्राम पंचायत समस्त प्रतिनिधि तथा इलाके की जनता क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो देहरा तथा परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर का आभार व्यक्त करता है। शिव शक्ति युवा क्लब ने लोगों से अपील की है कि अब ज्यादा से ज्यादा इस बस की सुविधा का लाभ उठाएं।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते हरिपुर के समीपवर्ती क्षेत्र गुलेर के वाशिंदों द्वारा पानी की समस्या हेतु अधिवक्ता शिवेंद्र सिंह सैनी की अध्यक्षता में एसडीओ हरिपुर आईपीएच मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ता शिवेन्द्र सिंह सैनी ने जानकारी देते हुआ कहा कि बुधवार को गुलेर पंचायत का एक प्रतिनिधिमण्डल एसडीओ हरिपुर से मिला और उन्हें गुलेर पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में आ रही पानी की समस्या से अवगत करवाया और साथ में बताया गया कि केवल और केवल पूरे दिन में यहाँ नाम मात्र पानी आता है यानी लगभग पूरे दिन में एक बाल्टी पानी आती है जिससे घर का गुज़ारा करना बहुत मुश्किल होता है। गुलेर के कुछ क्षेत्रों में पानी की पाइपें डाल दी गई हैं परंतु कई महीनो से नलके के कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। इस समस्या का तुरंत हल करें अन्यथा गुलेर के वंचित नागरिक जो आज यहाँ पर एकत्रित हुए हैं और जिनके हस्ताक्षर किए गए हैं आगामी संघर्ष के लिए वाध्य होंगे और आपके कार्यालय में धरना देने के लिए मजबूर होंगे, इस मौक़े पर ग्राम पंचायत प्रधान सोनिया और गुलेर की महिलाएँ, वरिष्ठ नागरिक एवं युवा साथी उपस्तिथ रहे। वहीं इस संदर्भ में जल शक्ति विभाग हरिपुर के एसडीओ मनीष कुमार ने बताया की आज गुलेर के वाशिंदे पानी की समस्या को लेकर पहुंचे थे, वहीं विभाग द्वारा लोगो को पूर्णतः आशावासन दिया गया है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा ताकि लोगो को किसी भी समस्या का सामना करना न पड़े।
2अक्तूबर से 14 नवम्बर तक समूचे देश तथा प्रदेश में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत आज किन्नौर जिले की ग्राम पंचायत रिब्बा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर के सचिव विक्रांत कौण्डल ने की। विक्रांत कौण्डल ने कहा कि इस जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं तथा बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में अवगत करवाना है ताकि महिलाएं तथा बच्चे किसी भी प्रकार के शोषण का शिकार न हो सकें। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विभिन्न योजनाओं व निःशुल्क कानूनी सहायता के माध्यम से लोगों को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत करवाया जा रहा है। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी एलआर नेगी ने भी बच्चों, महिलाओं के अधिकारों व उनके कल्याण के लिए आरंभ की गई विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
1 जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूर्ण कर रहे नागरिक आगामी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकेंगे। जिसके लिए निर्वाचन विभाग द्वारा जिला सिरमौर के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 10 नवम्बर से 9 दिसंबर 2021 तक विशेष संक्षिप्त पुन निरीक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत इस अवधि के दौरान दावे तथा आक्षेप प्राप्त किए जाएंगे और उन पर निर्णय लेने के उपरांत मतदाता सूचियों को 15 जनवरी 2022 को अंतिम रूप से प्रकाशन किया जाएगा। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौतम ने गत सायं विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान दी। बैठक में उपायुक्त सिरमौर ने भारतीय जनता पार्टी के अजय बंसल व सीपीआईएम के राजेंद्र ठाकुर को जिला के सभी पांचों निर्वाचन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता सूचियों की प्रतिलिपियो सहित सीडी सौंपी। इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि जिला के सभी मतदाता यह सुनिश्चित करें कि पंचायत चुनावों में जिन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में हो सकता है मगर विधानसभा चुनाव में उन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में नहीं भी हो सकता है क्योंकि दोनों चुनावों में अलग-अलग प्रक्रिया द्वारा मतदाता सूची तैयार की जाती है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की है कि वह टोल फ्री नंबर 1950 का इस्तेमाल कर मतदान सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। सभी राजनैतिक दलों और कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित अद्यतन रखने के लिए इस प्रयोजन में नियुक्त सम्बन्धित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। इस विशेष अभिंयान के दौरान जिन मतदाताओं के फोटो धुंधले या खराब हो चुके है, वे अपना नवीनतम रंगीन फोटो प्रारुप 8 पर लगाकर सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारी के पास नया पहचान पत्र बनाने के लिए जमा करवा सकता है। बैठक में तहसीलदार निर्वाचन राजेंद्र शर्मा व नायब तहसीलदार निर्वाचन गोपीचंद डोगरा उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत राज्य में कुष्ठ रोगियों के लिए राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कुष्ठ रोग के मामलों का प्रारंभिक चरण में पता लगाना और रोगियों को पूर्ण मुफ्त उपचार उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि इस रोग का समय पर पता चल जाने और समय पर उपचार मिलने से प्रभावित व्यक्तियों में जहां विकलांगता आने से रोका जा सकता है वहीं इस रोग के आगे फैलने से रोकने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि इस रोग के उपचार का कोर्स समय पर पूरा किया जाए तो कुष्ठ रोग पूरी तरह से ठीक होने वाला रोग है। यह रोग छींकने और नाक बहने के दौरान बूंदों के माध्यम से संक्रमित व्यक्ति से स्वस्थ लोगों में फैलता है। प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश में कुष्ठ रोग के सालाना 120 से 150 मामले दर्ज किए जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से भी कुष्ठ रोग से संबंधित सक्रिय मामलों का पता लगाया जाता है। इसके अलावा इस कार्यक्रम के अंतर्गत कुष्ठ रोगियों के परिवार के सदस्यों की भी कुष्ठ रोग से संबंधित लक्षणों की जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कुष्ठ रोग के 101 सक्रिय मामले हैं। इन सभी मरीजों का निःशुल्क उपचार किया जा रहा है और किसी प्रकार की चोट से बचने के लिए वर्ष में दो बार एमसीआर के जूते दिए जाते हैं। कुष्ठ रोग के सभी मरीजों, जिन्हें सर्जरी की आवश्यकता होती है उन्हें सर्जरी के दौरान और सर्जरी के पश्चात मजदूरी संबंधी क्षति की पूर्ति के लिए एकमुश्त 8000 रुपये अनुदान के रूप में दिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश के सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा सभी कुष्ठ रोगियों को प्रतिमाह 750 रुपये पेंशन दी जाती है।
मण्डी हवाई अड्डा विकास से सम्बन्धित एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने मण्डी में प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का आवश्यक भूमि सहित संशोधित मास्टर प्लान प्रस्तुत किया है। ताकि इसकी हवाई पट्टी (रनवे) के अभिविन्यास (ओरियंटेशन) का निर्धारण और परामर्शकर्ता द्वारा ओएलएस चार्ट तैयार किया जा सके। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नागर विमानन मंत्रालय और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सुझावों के अनुसार रनवे का संरेखण (अलाइन्मेंट) तय करने के लिए वैपकोस लिमिटिड द्वारा लेडार (लाइट डिटैक्शन एण्ड रेंजिंग) सर्वेक्षण पूर्ण कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह सर्वेक्षण इसी वर्ष 21 जुलाई को पूरा हुआ था और वैपकोस लिमिटिड/मै. जियोकनो इण्डिया प्राइवेट लिमिटिड ने भारतीय विमानन प्राधिकरण को लेडार सर्वेक्षण का डाटा प्रस्तुत कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागर विमानन मंत्रालय द्वारा पूर्व में दी गई साइट क्लीयरेंस तथा जमा करवाए गए मास्टर प्लान के अनुसार यहां 2100 मीटर रनवे के निर्माण तथा दक्षिण भाग में इसके 1050 मीटर सम्भावित विस्तार के साथ योजना तैयार की गई थी। उन्होंने कहा कि हवाई लेडार सर्वेक्षण और केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री के साथ आयोजित बैठक के बाद यहां 3150 मीटर लम्बी हवाई पट्टी की सम्भावना तलाश करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि इस आधार पर विश्लेषण के उपरान्त हवाई पट्टी की लम्बाई दक्षिण भाग के बजाय उत्तरी भाग में 1050 मीटर करने पर कार्य किया गया। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस परियोजना के वित्तपोषण के लिए मामला केन्द्र सरकार के समक्ष उठाएगी। उन्होंने कहा कि 15वें वित्तायोग ने इस बड़ी परियोजना के लिए 1000 करोड़ रुपये की सिफारिश की है। बैठक में मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और जे.सी. शर्मा, प्रधान सचिव सुभाशीष पांडा और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबन्ध निदेशक अमित कश्यप के अतिरिक्त वर्चुअल माध्यम से उपायुक्त मण्डी अरिन्दम चौधरी और अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बुधवार को हिमाचल प्रदेश सचिवालय की चतुर्थ श्रेणी ऐसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अध्यक्ष प्रहलाद गौतम की अध्यक्षता में भेंट की। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन के सदस्यों को बधाई दी। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार, उपाध्यक्ष धर्मपाल, महासचिव नेकराज, विशेष सचिव शिशम और संयुक्त सचिव केवल किशोर उपस्थित थे।
उपतहसील कार्यालय दाड़लाघाट में सोमवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कार्यालय कानूनगो कृष्ण चंद की पदोन्नति नायब तहसीलदार संगड़ाह के पद पर होने के बाद विदाई दी गयी। नायब तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक राजेन्द्र ठाकुर तथा कर्मचारियों ने कृष्ण चंद को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कानूनगो बलवंत, विजय कांत, पटवार कानूनगो संघ के प्रधान कपिल ठाकुर, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर सहित कार्यालय का सारा स्टाफ उपस्थित रहा।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त वेलफेयर एसोसिएशन दाड़लाघाट व नम्होल यूनिट की मासिक बैठक का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता सुखराम नड्डा ने की। महासचिव प्रेम केशव ने कहा कि सरकार सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुरानी मांगों को लेकर चर्चा की गई। सदस्यों ने सरकार से आग्रह किया कि सेवानिवृत कर्मचारियों की सुविधा हेतु पग उठाए जाए। बैठक में सदस्यों ने बिलासपुर डिविजन के एक्सईएन से आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बिना वजह तंग ना किया जाए, क्योंकि जीआईएस से संबंधित देय राशि आज तक कर्मचारियों को न मिल पाना कार्यालय में बैठे कर्मचारियों की नाकामी मानी जा रही है। वंही उन्होंने बताया कि दिसम्बर 17 को यूनिट स्तर पर पेंशन दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मासिक बैठक भी की जाएगी। बैठक में सुखराम नड्डा, प्रेम केशव, जगत पाल, रणजीत सिंह, दिलाराम, रामलाल, दिलूराम, मनीराम, बालकराम, सुहारूराम, जगन्नाथ, अशोक शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए कार्यान्वित किए जा रहे विशेष प्रचार अभियान की कड़ी में आज सप्तक कलामंच के कलाकारों द्वारा सोलन विकास खण्ड की ग्राम पंचायत बड़ोग तथा अन्हेच, अक्षिता कलामंच के कलाकारों द्वारा कण्डाघाट विकास खण्ड की ग्राम पंचायत कोट तथा देलगी एवं पूजा कलामंच बाड़ीधार के कलाकारों द्वारा कुनिहार विकास खण्ड की ग्राम पंचायत क्यारड़ तथा ग्राम पंचायत घणागुघाट के गांव शेरपुर में लोगों प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया गया। कलाकारों ने विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के साथ-साथ सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों तथा योजनाओं की जानकारी गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदान की गई। कलाकारों ने बताया कि अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के व्यक्ति जिनकी वार्षिक आय 35 हजार रुपए से कम है के लिए अनुवर्ती कार्यक्रम कार्यान्वित किए गए है। इसके लिए लाभार्थी को आईअीआई या किसी अन्य प्रशिक्षण केन्द्र से प्रशिक्षण प्राप्त किया होना चाहिए। पात्र लाभार्थी को सिलाई मशीन एवं उपकरण क्रय करने के लिए 1800 रुपए तथा कताई-बुनाई एवं चमड़ा कार्य के औज़ार के लिए 1300 रुपए प्रति लाभार्थी सहायता प्रदान की जाती है। स्वर्ण जयंती आश्रय योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि अनुसूचति जाति, अनुसूचित जन जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग जिनक नाम राजस्व रिकार्ड में हो को मकान बनाने के लिए 1.50 लाख रुपए का अनुदान प्रदान किया जाता है। इसके लिए लाभार्थी की वार्षिक आय 35 हजार से कम होनी चाहिए। कलाकारों ने बताया कि महिला सशक्तिकरण व पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कार्यान्वित की जा रही महत्वाकांक्षी हिमाचल गृहिणी सुविधा के तहत सोलन ज़िला में अभी तक लगभग 17 हजार लाभार्थियों को गैस कुनैक्शन निःशुल्क प्रदान किए गए हैं। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए कार्यान्वित किए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत बुधवार को पर्वतीय लोकमंच दाड़वा के कलाकारों द्वारा नालागढ़ विकास की ग्राम पंचायत मंझोली तथा प्लासी में प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया गया। धर्मपुर विकास खण्ड में शिव शक्ति कलामंच के कलाकारों द्वारा ग्राम पंचायत गोयला तथा बढलग तथा हिम सांस्कृतिक दल ममलीग के कलाकारों द्वारा ग्राम पंचायत कोटबेजा के गांव ठंडू तथा ग्राम पंचायत भागुड़ी में सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों तथा योजनाओं की जानकारी गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदान की गई। लोगों को बताया गया कि जल से कृषि को बल योजना के अन्तर्गत योजना पर 67 करोड़़ रुपये व्यय करके 292 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा प्रदान की जा चुकी है और इससे एक हजार 172 किसान लाभान्वित हुए हैं। जल जीवन मिशन के तहत अब तक लगभग 6 लाख घरों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। विवाह अनुदान योजना के अन्तर्गत स्वेच्छा से 40 से 74 प्रतिशत तक दिव्यांग लड़के अथवा लड़की से विवाह करने पर प्रोत्साहन के रूप में 25 हजार रुपए तथा 74 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता की स्थिति में 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाती है। लोगों को जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत सोलन ज़िला के विकास खण्ड सोलन, कण्डाघाट, धर्मपुर व कुनिहार में 100 अनुसूचित जाति बाहुल्य गांव में लगभग 21 करोड़ रुपए व्यय कर सभी 100 गांवों को आदर्श घोषित किया गया है। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ.राजीव सैजल 11 नवम्बर को सोलन जिला के प्रवास पर रहेंगे। डाॅ.सैजल 11 नवम्बर को सब्जी मण्डी सोलन के समीप आश्रय गौ सदन में गौ पूजन एवं हवन में भाग लेंगे। वे तदोपरान्त दिन में 12.30 बजे से धर्मपुर में जनसमस्याएं सुनेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस देश मे बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के विरोध में लोगों को जागरूक करने के लिए 14 नवंबर से 29 नवंबर तक जन जागरण अभियान शुरू करेगी। इसके तहत कांग्रेस छोटी बैठके कर पद यात्रा करेगी। कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस के प्रस्तावित जन जागरण अभियान को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कांग्रेस प्रवक्ता और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के सचिव प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक में जनजागरण अभियान की रूप रेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल के अतिरिक्त मुख्य प्रवक्ता दीपक राज शर्मा, प्रवक्ता डॉ. राजेश शर्मा, किरण धान्टा, दिनेश आर्य, डॉ.विजय डोगरा, प्रभारी सचिव शशि शर्मा, देश राज, राज कुमार नीटू, सत्यजीत नेगी, श्रीकमल पठानिया, नवनीत शर्मा, बलदेब ठाकुर, ऋषिव पांडव उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत लाईनों के आवश्यक मुरम्मत एवं रखरखाव कार्य के दृष्टिगत 11 केवी शामती तथा 11 केवी मड़योग फीडर की विद्युत आपूर्ति 11 नवम्बर को बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियन्ता विकास गुप्ता ने दी। विकास गुप्ता ने कहा कि इसके दृष्टिगत 11 नवम्बर, 2021 को दोपहर 1.00 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक शामती, मंझोली, क्यार, सनहोल, नंदल, कोटला पंजोला, धौलांजी, नौणी बाजार, धारों की धार, धर्जा, अम्बर कोठी, बडलेच एवं इसके आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
रेणुका विधानसभा क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने बीडीसी अध्यक्षा अनिता शर्मा के अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने सुरेश कश्यप के समक्ष अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं मांगों को रखा। वंही सांसद सुरेश कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल की सभी समस्याओं को सुनते हुए उन्हें आश्वस्त करवाया कि रेणुका विधानसभा क्षेत्र की सभी समस्याओं एवं मांगो को प्रदेश सरकार द्वारा जल्द पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 13 और 14 नवंबर को सिरमौर के नौराधार, रेणुका एवं नाहन विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे।
कुल्लू जिले के लिए पुलिस भर्ती बुधवार से शुरू हो गई है। भर्ती में सभी घटनाओं की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। इसके साथ ड्रोन से भी घटनाओं की रिकॉर्डिंग की जा रही है। मौके पर एंबुलेंस उपलब्ध रखी गई है। सभी अभ्यर्थियों को 2 मास्क, सैनिटाइजर, 500 मिली पानी की बोतल, 1 पैकेट बिस्किट,1 जूस टेट्रापैक, 2 नैपकिन से युक्त कोविड किट प्रदान की गई। पहले दिन 1000 महिला प्रतिभागियों को बुलाया गया था। वीरवार को भी 1400 महिला प्रतिभागियों को बुलाया गया है। पुरुष प्रतिभागियों का ग्राउंड 12 नवंबर से शुरू होगा। पुलिस भर्ती 16 नवंबर को समाप्त होगी।
राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में बुधवार को न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी संघ महाविद्यालय राजगढ़ इकाई का गठन किया गया। डॉ रमेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्वसम्मति से डॉ राजीव कुमार को अध्यक्ष, डॉ विवेक शर्मा को उपाध्यक्ष, प्रो.प्रमोद को महासचिव, प्रो.वन्दना गुप्ता को संयुक्त सचिव तथा डॉ निति गुप्ता को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सदस्यों में डॉ मंजू ठाकुर, डॉ रमेश कुमार, प्रो.रितिका, डॉ शशि किरण, प्रो.जीना गुप्ता उपस्थित रहे। इस इकाईं का उद्देश्य पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रयास करना है ।
राजगढ़ उपमंडल में 11 नवम्बर को 21 स्थानों पर कोविड टीकाकरण किया जाएगा। जिसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। यह जानकारी एसडीएम एवं अध्यक्ष उपमंडलीय कोविड टास्क फोर्स कमेटी राजगढ़ सुरेन्द्र मोहन ने दी। उन्होंने बताया कि 11 नवम्बर को सिविल अस्पताल राजगढ़, स्वास्थ्य उपकेंद्र चाखल, भूईरा, भियानाघाट, पबियाना व छोगटाली, राजकीय प्राथमिक स्कूल चांबीधार, करगाणू, बलारा टिक्करी, ढायापितली, दराबला, उलख कतोगा, शठार, कोटडांगर, कुडिया, कड़ियुत, कलियोपाब व ठोडनिवाड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धामला, आंगनवाडी केंद्र धन्दडेल व पंचायत घर रानाघाट में कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी पात्र व्यक्ति इन निर्धारित केंद्रों पर जाकर कोविड वैक्सीन के दूसरी डोज लगवाएं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने से वंचित न रहे।
राजगढ़ ब्लाॅक में कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हए एसडीएम एवं उपमंडलीय कोविड टास्क फोर्स कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र मोहन ने कहा कि राजगढ़ ब्लाॅक के सभी पात्र लोगों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 15 दिन पहले टीकाकरण कार्यक्रम बना कर तैयार रखें ताकि लोगों को टीकाकरण केंद्र व तिथि के बारे में पहले ही जानकारी मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कि स्थापित किए गए प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर 200 से अधिक लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविर लगाने से पहले आशा वर्कर और वैक्सीनेटर संबंधित क्षेत्र के पंचायत प्रधान या उपप्रधान तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से बात करें ताकि सभी पात्र लोग कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज से वंचित न रहें। उन्होंने राजस्व विभाग व नगर पंचायत राजगढ़ के अधिकारियों को भी अधिक से अधिक लोगों से फोन के माध्यम से वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आंज भोज क्षेत्र के भरेली कॉलेज का जल्द उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने भरेली कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के छात्र-छात्राओं की मांगों को देखते हुए अब से सभी कक्षाएं महाविद्यालय के भवन में ही लगेगी जोकि पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निघेता में लगती थीे। उन्होंने कॉलेज के सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस कॉलेज में पढ़ा छात्र आने वाले समय में आंज भोज क्षेत्र का नाम रोशन करेगा तो उन्हें खुशी होगी। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज के साथ खेल मैदान बनाने के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने कॉलेज का निरीक्षण भी किया।
किन्नौर जिला के दूर-दराज व सीमावर्ती गांव चारंग में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। स्वास्थ्य शिविर में चारंग तथा कुन्नू गांव के 69 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। प्राथमिक स्वास्थ केंद्र मूरंग के चिकित्सक डाॅ. कृष्ण नेगी ने इस दौरान चिकित्सा शिविर में पहुंचे लोगों की स्वास्थ्य कि जांच की। उन्होंने बताया कि इस दौरान लोगों के शूगर तथा बी.पी. की भी जांच की गई तथा जांच के उपरान्त रोगियों को निःशुल्क दवा भी प्रदान की गई। स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य जांच शिविर के प्रति उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों व ग्राम पंचायत प्रधान निर्मला देवी का कहना था कि कुन्नू-चारंग गांव जिला मुख्यालय से अति दूर व दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण यहां इस तरह के शिविर समय-समय पर लगाए जाने चाहिए ताकि स्थानीय लोगों को उनके घर-द्वार के निकट विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधाएं उपलब्ध हो सके। इसी दौरान चारंग गांव में पशुपालन विभाग द्वारा भी एक शिविर लगाया गया जहां पर 25 मवेशियों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा निःशुल्क दवा भी वितरित की गई।
एसडीओ संजीव कुमार से प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार को 33/11 केवी विद्युत उप केन्द्र मारण्डा और होलटा यार्ड में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस कारण 21 केवी फीडर मारण्डा, घुग्घर, राजपुर, बन्दला, सरकारी सिद्धपुर इत्यादि क्षेत्र प्रभावित रहेगें। इन फीडरों के अन्तर्गत आने वाले उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति सुबह 9:30 बजे से कार्य समाप्ति तक बाधित रहेगी। किन्ही कारणों से कार्य में व्यवधान होने की वजह से कार्य की सूचना आगामी दिनों में दे दी जाएगी।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ.अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए 11 नवम्बर को 30 स्थानों पर कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 11 नवम्बर को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, ईएसआई मालवा कोटन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखुवाला, उपस्वास्थ्य केंद्र मानपुर देवडा, उपस्वास्थ्य केंद्र शिवपुर बन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियों, उप स्वास्थ्य केंद्र तारूवाला बी डब्ल्यू, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरथल मढ़, उपस्वास्थ्य केंद्र चांदनी कठवाड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर भारापुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाखणा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरगढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरोग बनेडी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोलर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सतौन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगानी, आरबीएस के टीम 1, आर बी एस के टीम 2, आरबीएस के टीम 3, ए डब्ल्यू टटयाना, उपस्वास्थ्य केंद्र मिस्रवाला, उपस्वास्थ्य केन्द्र अजोली, ग्राम पंचायत मत्रालियों इन सभी स्थानों पर कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ.अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील भी की।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिये अभी से अपनी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में हुए चार उप चुनाव परिणामों से उत्साहित प्रदेश कांग्रेस अपने रोडमैप को अंतिम रूप देने में जुट गई है। इसकी रूपरेखा 19 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में होने वाली के एक अहम बैठक में तैयार कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने दावा किया कि अगले साल होने वाले प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस इन उप चुनावों की तरह शानदार जीत हासिल करेगी और प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाली लोकप्रिय कांग्रेस की सरकार बनेगी। किमटा ने कहा कि देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व.इंदिरा गांधी की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपना सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला विशेष तौर पर शिरकत करते हुए इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान कांग्रेस के सभी विधायक, कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यसमिति के सभी सदस्य, जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, सभी अग्रणी संगठनों के प्रमुख, विभागों के प्रमुख उपस्थित रहेंगे। किमटा ने कहा कि हाल ही में हुए उप चुनावों में राजीव शुक्ला के कुशल नेतृत्व व प्रबंधन से जिस प्रकार कांग्रेस ने अपनी जीत दर्ज की है उसी तरह अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिये भी पार्टी की रणनीति और इसके रोडमैप के लिये शुक्ला बैठक में आवश्यक दिशानिर्देश देंगे।
उपायुक्त कांगड़ा ने मटौर-शिमला तथा मंडी पठानकोट फोरलेन निर्माण के लिए भू अधिग्रहण कार्यों में तेजी लाने निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने फोरलेन के निर्माण के लिए वन अधिकार अधिनियम एफआरए के तहत पेड़ों के कटान के मामलों को निपटाने के लिए भी उचित कदम उठाने के निर्देश जारी किए है। इसके साथ ही फोरलेन निर्माण की जद में आने वाले भवनों की लागत का मूल्यांकन प्रक्रिया आरंभ करने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि फोरलेन निर्माण कार्य आरंभ होने से पहले प्रभावितों को मुआवजा प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि मटौर-शिमला फोरलेन के तीन पैकेज तथा सब पैकेज निर्धारित किए गए हैं। इसमें कांगड़ा जिला में 54 किलोमीटर फोरलेन का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं मंडी-पठानकोट फोरलेन के तहत पांच पैकेज तथा सब पैकेज निर्धारित किए गए हैं, जिसमें कांगड़ा जिला में 124 किलोमीटर फोरलेन का निर्माण प्रस्तावित है। इस अवसर पर एडीएम रोहित राठौर सहित मंडी पठानकोट तथा मटौर शिमला फोरलेन निर्माण से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित थे।
संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा बुधवार को गरु, वाकनाघाट मैं बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रुप से संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक मनीष ठाकुर, जिला परिषद सदस्य मनोज वर्मा, किसान मोर्चा के सह संयोजक नीतीश कुमार, अध्यक्ष अनिल शर्मा व उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, प्यारे लाल वर्मा, अशोक कुमार, सायरी पंचायत की प्रधान अंजू राठौर, ममलीग पंचायत की पूर्व प्रधान सत्या देवी रूप राम, पदम कँवर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस बैठक में आस पास की पंचायतों के किसानों ने भाग लिया। किसानी पर आ रहे संकट को दूर करने के लिए संगठन को मजबूत करने की जरूरत को देखते हुए, गावों गावों में संगठन को मजबूत करने और सब किसानों ने एक जुटता से आंदोलन का समर्थन करने को कहा।
पिछले दिनों शिमला में तेंदुए के आंतक से डरे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने डी एफ ओ शिमला के अध्यक्षता में एक टीम का गठन कर उन स्थानों का पता करने के निर्देश दिए, जहाँ तेंदुए का खतरा सबसे अधिक है। हॉटस्पॉट्स को चिन्हित करने के लिए इस कमेटी में जिला प्रशासन और नगर निगम शिमला के भी अधिकारी रहेंगे। भारद्वाज ने आज सचिवालय में शिमला शहर में तेंदुए के आतंक से उत्पन्न स्थिति को लेकर सम्बंधित अधिकारीयों की एक बैठक ली। बैठक में विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। भारद्वाज ने वन विभाग को सभी ज़रूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हॉटस्पॉट्स को चिन्हित कर वहां कैमरा और पिंजरे जल्द लगाए जाएं। साथ सूचना हेतु एक फ़ोन नंबर जारी करने के भी निर्देश दिए जिस पर सम्बंधित जानकरी दी जा सके और यदि जनता कि तरफ से कोई फीडबैक आना हो तो उस नंबर पर दिए जा सके। भारद्वाज ने वन एवं पुलिस विभाग को खोजी अभियान जारी रखने को कहा। मंत्री ने शिमला नगर निगम को ऐसे स्थांनो पर स्ट्रीट लाइट्स लगाने के भी निर्देश दिए जिसके लिए शहरी विकास विभाग से नगर निगम को धनराशि प्रदान की जाएगी। बैठक में प्रमुख सचिव शहरी विकास रजनीश, जिलाधीश शिमला आदित्य नेगी, वन विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में प्रारंभिक कक्षाओं के फिर से स्कूल खुलने से बच्चों में ख़ुशी की लहर नजर आई है I विद्यालय प्रधानाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया की हिमाचल प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए फिर से विद्यालय खुलने के आदेश होने से बच्चों में ख़ुशी है I 10 नवंबर से कक्षा तीसरी से कक्षा सातवीं तक के बच्चे ख़ुशी ख़ुशी विद्यालय आ रहें हैं। अभिभावकों को भी विद्यालय खुलने से बहुत ख़ुशी हुई है I विद्यालय के सभी अध्यापक वर्ग भी बच्चो के आगमन पर प्रसन्न हुए हैं। विद्यालय प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल ने बताया की विद्यालय में पहले ही दिन कक्षा तीसरी से सातवीं तक के 218 बच्चे उपस्तिथ हुए हैं। उन्होंने बताया की बच्चों के लिए कोविड-19 SOP दिशा निर्देश का पालन किया जा रहा है I जिसमें सभी बच्चों की थर्मल स्कैनिंग और सैनीटाईज किया जा रहा है I विद्यालय में सोशल डिसटेंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया है I सभी को नियन का पालन करते हुए हैण्ड सैनीटाईजर, मास्क, पानी की बोतल का साथ लाना सुनिश्चित किया गया है I विद्यालय में हर रोज सभी डेस्कों, कमरों व हॉल को सैनीटाईज भी किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में दर्दनाक हादसा पेश आया है। सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर भांबला के नजदीक वही मोड़ के पास ईंटों से लदा ट्रक पलटने से दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान ट्रक चालक रामेश कुमार पुत्र भाग सिंह गांव सनवाई डाकघर गेहरा और बबली देवी गांव बही के रूप में हुई है। बबली देवी हादसे के वक्त सड़क किनारे खड़ी थी। उनकी ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान काफी देर तक जाम लगा रहा। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने घटना की पुष्टि की है।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ ने सरकार पर शिक्षकों की मांगों को अनदेखा करने का आरोप लगाया है। संघ का कहना है कि प्रदेश सरकार अपने आप को कर्मचारी हितैषी होने का दावा तो करती है, लेकिन व्यवहारिकता में सरकार के 4 साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है और अभी तक सरकार ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के किसी भी मुद्दे को हल नहीं किया है। संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि हिमाचल में 90 हजार के आसपास शिक्षक कार्यरत है। लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को सुनने के लिए जीसीसी जैसा कोई भी उचित प्लेटफार्म नहीं बनाया है। जिससे शिक्षकों एवं शिक्षार्थी हित में मांगों पर चर्चा उपरांत उसका निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि जेसीसी की बैठक का प्रारूप अपने आप में एक बेईमानी है क्योंकि इसमें शिक्षकों का इतना बड़ा वर्ग समायोजित नहीं किया गया है। एनजीओ को मान्यता के स्थान पर लोकतांत्रिक तरीके से सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को चुनाव के माध्यम से जेसीसी के गठन करने की संघ लंबे समय से मांग कर रहा है। कर्मचारियों में भारी रोष है और सरकार के प्रति कर्मचारियों की नाराजगी का अंदाजा इस चुनाव से लगाया जा सकता है। संघ सरकार से मांग करता है कि प्रदेश के कर्मचारियों एवं शिक्षकों के भत्ते का भुगतान केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर किया जाए। प्रदेश के कर्मचारियों के लंबित 5% डीए का भुगतान तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए क्योंकि केंद्र सरकार बहुत पहले इसे जारी कर चुकी है और पंजाब ने भी एक मुश्त 11% डीए की किस्त जारी कर दी है। इसलिए हिमाचल के कर्मचारियों को डीए की किस्त देने के लिए किसी औपचारिक बैठक का इंतजार करना प्रदेश के कर्मचारियों के साथ बेईमानी है l उन्होंने विभाग में खाली पड़े पदों को भरने की मांग उठाई है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दंत चिकित्सा की एमडीएस परीक्षा में पांवटा साहिब डेंटल काॅलेज की छात्रा डाॅ. नंदिनी भारद्वाज ने टाॅप किया है। नंदिनी ने इस परीक्षा में 600 में से 512 अंक प्राप्त किए हैं। तीन साल की एमडीएस की पढ़ाई में डाॅ. नंदिनी ने ओरल कैंसर व फोरेंसिक में महारत हासिल की है। डाॅ. नंदिनी ने कांगड़ा के नगरोटा बगवां की रहने वाली है। उन्होंने अपनी 8 साल की पढाई पांवटा साहिब डेंटल काॅलेज में की है। अब इसी काॅलेज में अपना कैरियर भी शुरू किया है। बता दें कि यूनिवर्सिटी में सैकेंड टाॅपर के अंक 460 हैं। गौरतलब है कि एमडीएस की तीन साल की पढ़ाई के बाद डाॅ. नंदिनी को देश के कई बड़े शहरों में रिसर्च कार्य के लिए सम्मानित भी किया जा चुका है। दिल्ली एम्स से भी डाॅ. नंदिनी अवार्ड ले चुकी है। वंही अपनी इस सफलता का श्रेय नदनी ने अपने माता-पिता व अपने शिक्षकों को दिया है।
नादौन में हिमाचली डांसिंग स्टार सीज़न-3 में शैंकी ठुकराल को मुख्यअतिथि के रूप में समानित किया गया। इस दौरान आम आदमी पार्टी ओबीसी विंग के राज्य मंत्री शैंकी ठुकराल ने कहा कि हिमाचली डांसिंग स्टार सीजन-3 में जो भी विजेता रहेगा ठुकराल फाउंडेशन की तरफ से उसकी फ्री में एल्बम बनाई जायगी। उन्होंने कहा हिमाचली डांसिंग स्टार के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को बेहतर मंच मिल रहा है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत रंग ला रही है।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी विभागों में विभिन्न श्रेणियों के आउटसोर्स कर्मचारियों हेतु स्थायी नीति बनाने को लेकर कैबिनेट सब-कमेटी गठन का निर्णय किया गया। जलशक्ति विभाग अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष एलडी चौहान ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में विभिन्न श्रेणियों के लगभग 25 हजार से ज्यादा कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे है, जिनका तो वेतन कम है। दूसरा उनके भविष्य की आर्थिक सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है और इनसे काम ऊंचे वेतन वाले कर्मचारियों से कही अधिक लिया जाता है। चौहान ने कहा कि आउटसोर्स पर नियुक्त कर्मी बेहतर शिक्षा से पूर्ण है और हर कार्य मे पूर्णतया दक्ष है। प्रदेश सरकार को शीघ्र इन कर्मियों हेतु स्थायी नीति बनाकर, विभागों में मर्ज करके सरकारी कर्मचारी बनाकर इन्हें न्याय प्रदान करना चाहिए। जिसको लेकर मुख्यमंत्री ने पहल कर दी है, जो एक ऐतिहासिक कार्य होगा।
पुलिस थाना रोहड़ू के तहत पारसा गांव में चोरों ने लाखों रुपए के सोने के गहनों व नकदी सहित सामान पर हाथ साफ कर डाला है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पारसा गांव निवासी बिहारी लाल पुत्र ध्यान चंद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 8 नवम्बर को दिन के समय परिवार के सभी लोग रोहड़ू बाजार आए थे। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे जब घर पहुंचे तो दरवाजे के ताले टूटे पाए गए। घर की जांच करने पर लाखों रुपए के सोने के गहने गायब मिले। इस दौरान पता चला कि उनके पड़ोसी के घर से भी करीब 40 हजार रुपए की राशि गायब है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने कहा कि हैड कांस्टेबल अनिल कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।


















































