हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में 2 साल बाद आज से फिर रौनक लौटेगी। बीती कैबिनेट की बैठक में हुए फैसले के अनुसार आज यानि बुधवार से तीसरी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगेंगी। इसके लिए प्रदेश के सभी स्कूलों के लिए गाइडलाइन भी जारी की गयी है। जिन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, उन स्कूलों में एक दिन छोड़कर या सुबह-शाम के सत्र में कक्षाएं लगेंगी। माइक्रो प्लान के आधार पर कक्षाओं में विद्यार्थी बैठाए जाएंगे। स्कूल गेट पर विद्यार्थियों व शिक्षकों का थर्मल स्क्रीनिंग से तापमान जांचा जाएगा। अगर किसी विद्यार्थी या शिक्षक-गैर शिक्षक में बुखार के लक्षण मिले तो गेट से ही उन्हें वापिस घर भेज दिया जाएगा। स्कूलों में सभी के लिए फेस मास्क पहनना अनिवार्य रहेगा। वंही स्कूलों में लंच ब्रेक का समय अलग-अलग रहेगा। स्कूल आने और जाने के समय में भी कक्षावार पांच से दस मिनट का अंतर होगा। प्रार्थना सभा और खेलकूद सहित एकत्र होने वाली सभी गतिविधियां बंद रहेंगी। सरकारी स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू होने के बावजूद हर घर पाठशाला कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन शिक्षण सामग्री भेजने की प्रक्रिया भी आगामी आदेशों तक जारी रहेगी। यदि स्कूल में कोई संक्रमित विद्यार्थी पाया जाता है तो 48 घंटे तक स्कूल बंद रखा जाएगा।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने चीन के साथ लगती हिमाचल प्रदेश की 240 किलोमीटर सीमा क्षेत्र की पुलिस स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस सम्बन्ध में मंगलवार को राजभवन में राज्यपाल के समक्ष शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजन्टेशन दिया और उन्हें वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू भी उपस्थित थे। राज्यपाल ने राज्य पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति में चीन के साथ लगती प्रदेश की सीमा बहुत संवेदनशील है और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि किन्नौर और लाहौल-स्पीति के लगभग 48 सीमावर्ती गांवों के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की आवश्यकता है तथा इन क्षेत्रों के अधोसंरचना विकास और अन्य गतिविधियों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इन क्षेत्रों में पुलिस थानों और चैकियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने स्थिति की समीक्षा करने और इन क्षेत्रों में अन्य गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य पुलिस अधिकारियों की एक टीम सीमावर्ती गांवों में भेजने के लिए राज्य पुलिस की सराहना की।
अर्की के नवनिर्वाचित विधायक संजय अवस्थी का अपने घर कंधर को जाते हुए पंचायत कांग्रेस कमेटी दाड़लाघाट द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके पक्ष में जमकर नारेबाजी करते हुए आतिशबाजी की। इस सूक्ष्म कार्यक्रम में विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि उन्हें विधानसभा भेजने में हर वर्ग का सहयोग रहा है। क्षेत्र की जनता ने उन्हें भारी मतों से विजय बनाने का जो कार्य किया है, वह उसके सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार के दौरान उन्होंने जो वादे किए उन्हें वे जरूर पूरा करेंगे। वह जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में साथ देंगे। इस दौरान पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर, पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, पंचायत कांग्रेस कमेटी के उपप्रधान मोहन सिंह ठाकुर, पंचायत सदस्य ललित गौतम, उमेश कुमार, निमचन्द, पिंकी, शारदा देवी, अनुराधा, पूर्व प्रधान पारनु विद्यासागर, हीरालाल, मनीराम, सोहनलाल ठाकुर, पवन, जयसिंह, कमलेश, दीपक आदि उपस्थित थे।
जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डॉ.निपुण जिदंल ने कांगड़ा जिला में आपदा प्रबंधन एक्ट, 2005 की धारा 34 के तहत आदेश जारी करते हुए कहा कि हाल फिलहाल में लाहौल स्पिति तथा किन्नौर में ट्रैकर्ज के साथ पेश आई दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला में तीन हज़ार मीटर से ऊपर के सभी पर्वतीय दर्रों में आगामी आदेशों तक ट्रैकिंग पर प्रतिबंध लगाया जाता है। उन्होंने बताया कि यह आदेश आम जनता और ट्रैकर्ज की सुरक्षा के मद्देनजर जारी किये गये हैं। आदेशों की उल्लंघना करने वालों के विरूद्ध आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 की धारा 51-60 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कांगड़ा जिला में आपदा प्रबंधन को लेकर सात स्वचालित मौसम स्टेशन स्थापित किए गए हैं। जिनका मंगलवार को उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने विधिवत रूप से शुभारंभ किया। इस बाबत स्वचालित मौसम स्टेशन के बारे में जानकारी देने के लिए उपायुक्त कार्यालय के सभागार में पंचायत प्रतिनिधियों की एक वर्कशाप भी आयोजित की गई। उपायुक्त ने बताया कि प्रारंभिक चरण में स्वचालित मौसम स्टेशन कांगड़ा जिला के आवेरी, बीड़, खास, दरूग, नपोहता, कोहर खास, करनाथू तथा डंडेल में स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से मौसम के पूर्व जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले चरण में जिला के अन्य मौसम की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में भी स्वचालित मौसम स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। आपदा प्रबंधन में यह मौसम स्टेशन काफी कारगर साबित होंगे। किसी भी तरह की भारी बारिश, आंधी, तूफान इत्यादि के बारे में मौसम स्टेशन के उपकरणों के माध्यम से अलर्ट की सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ-साथ संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों तक भी पहुंचेगी ताकि मौसम के पूर्वानुमान के आधार पर आपदा प्रबंधन की तैयारियां की जा सकें। इस अवसर पर एडीएम रोहित राठौर, डीएसपी बलदेव ठाकुर तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रभारी भानु सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
ज्वालामुखी निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी सिविल अस्पताल ज्वालामुखी के सफाई कर्मचारी के लिए लड़ रही है। बता दें कि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से भर्ती सिविल अस्पताल में 9 कर्मचारियों को वेतन भुगतान की समस्या का सामना करना पड़ रहा था और उन्हें सूचित किया जा रहा था कि अब ठेकेदार के माध्यम से नए कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। इसी के चलते आम आदमी पार्टी ने यह मुद्दा उठाया और कार्यकर्ताओं की मदद की। उन्होंने एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल भी आयोजित की। उन्होंने ज्वालामुखी अस्पताल क्षेत्र में एक हस्ताक्षर अभियान चलाया और लगभग 400 हस्ताक्षर प्राप्त किए। 5 नवंबर को जब सीएम ज्वालामुखी में थे, तब पार्टी सदस्यों ने सीएम जयराम को सिंगनेचर और संबंधित दस्तावेज सौंपे। आम आदमी पार्टी ने कहा था कि अगर सरकार ने इस मुद्दे को हल नहीं किया तो पार्टी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जाएगी। विकास धीमान, अमित कपूर, सीता राम भाटिया, अनिल चौधरी, संजीव चौधरी, मोनिंदर सिंह, प्रवीण कुमारी और प्रीक्षा सूद ने बताया कि हमने फोन कॉल के माध्यम से फिर से सीएम कार्यालय शिमला में इस मुद्दे पर चर्चा की। सीएम कार्यालय ने हमें इस मुद्दे के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और हमें कुछ समय देने के लिए कहा। इसलिए हम सभी पार्टी सदस्यों ने समय देने और सरकार के अगले आदेशों की प्रतीक्षा करने का निर्णय लिया है। पार्टी सदस्यों ने कहा कि अगर सरकार ने इस मुद्दे को हल नहीं किया तो पार्टी भूख हड़ताल के रास्ते पर जाएगी और इस बार अनिश्चित भूख हड़ताल होगी।
अंतरराष्ट्रीय मेला श्री रेणुकाजी को लेकर मंगलवार को कुब्जा पवेलियन रेणुका जी में मेले की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त एवं अध्यक्ष मेला कमेटी राम कुमार गौतम ने की। उन्होंने बताया कि मेले में आ रही देव पालकियों के साथ आने वाले देवलुओं, खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों तथा मेले में व्यावसायिक गतिविधियों से जुडे व्यवसायियों को कोविड वैक्सीन के दोनो डोज लगाने आवश्यक होंगे। उन्होंने बताया की एकादशी व पूर्णिमा के अवसर पर किए जाने वाले स्नान को कोविड प्रोटोकॉल के अनुरूप ही अनुमति दी गई है। उपायुक्त ने बताया कि मेले के दौरान यातायात की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस बार गिरी नदी के पास 2 हजार वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। मेले के लिए ददाहू और श्री रेणुकाजी में विभिन्न स्थानों पर स्वागत गेट लगाए जाएगें। इस दौरान उपायुक्त ने मेले सम्बन्धी विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
विश्व हिंदू परिषद फरीदाबाद के विभाग संगठन मंत्री साहिल वालिया ने मंगलवार को मां ज्वालामुखी जी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। साहिल वालिया ने कहा कि वह मां ज्वालामुखी जी के अनन्य भक्त हैं, उनकी मां जवालाजी के प्रति गहरी और अटूट आस्था है। बता दें कि साहिल वालिया पूर्णकालिक कार्यकर्ता के नाते विश्व हिंदू परिषद में कार्य कर रहे हैं। साथ ही वह पालमपुर, कांगड़ा ,देहरा, रामपुर बुशहर में बतौर संगठन मंत्री के नाते कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे हरियाणा के फरीदाबाद विभाग के विभाग संगठन मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। साहिल वालिया पालमपुर के द्रमन के रहने वाले हैं। वंही इस अवसर पर जिला कांगड़ा विभाग के सह संगठन मंत्री कुलदीप राणा, पुजारी बासु शर्मा आदि उपस्थित भी उपस्थित रहे।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा सोलन जिला के सभी पांचों विकास खण्डों में आज से अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए विशेष प्रचार अभियान आरम्भ हुआ। विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के साथ-साथ सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों तथा योजनाओं की जानकारी गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदान की गई। सप्तक कलामंच के कलाकारों द्वारा सोलन विकास खण्ड की ग्राम पंचायत पड़ग तथा ग्राम पंचायत सलोगड़ा, अक्षिता कलामंच के कलाकारों द्वारा कण्डाघाट विकास खण्ड की ग्राम पंचायत काहला तथा ममलीग एवं पूजा कलामंच बाड़ीधार के कलाकारों द्वारा कुनिहार विकास खण्ड की ग्राम पंचायत समोग के गांव गाहदा तथा ग्राम पंचायत दानोघाट के गांव सज्याड़ा में लोगों प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया गया। कलाकारों द्वारा गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जहां लोगों का मनोरंजन किया गया वहीं प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह को मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना की जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि इस योजना के अन्तर्गत ऐसे गांवों का चयन किया जा रहा है जहां अनुसूचित जाति की जनसंख्या 40 प्रतिशत या इससे अधिक है। योजना के अन्तर्गत चयनित गांवों में सड़कों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति, घरों व गलियों में लाईट व्यवस्था साफ-सफाई, दूरभाष, शिक्षा एवं बैकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। लोगों को जानकारी दी गई कि अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्ल्संख्यक, एकल नारी, विधवा, दिव्यांग के बीपीएल परिवार से सम्बन्धित अभ्यर्थियों या जिनकी वार्षिक आय 2 लाख रुपए से कम हो, को विभिन्न कम्प्यूटर पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। लोगों को बताया गया कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यार्थियों को सहायता योजना के अन्तर्गत 30 हजार रुपए की सहायात राशि प्रदान की जाती है। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। इस अवसर पर ग्राम पंचायत पड़ग की प्रधान मीरा देवी, उप प्रधान वेद प्रकाश, वार्ड सदस्य तारा चंद, महिला मण्डल प्रधान कमला देवी, ग्राम पंचायत सलोगड़ा की प्रधान सरोज चैहान, उपप्रधान भूपेन्द्र शर्मा, बीडीसी सदस्य नेहा कश्यप, वार्ड सदस्य सुनीता, रीना, ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान हरीचंद ठाकुर, उपप्रधान संजीव ठाकुर, सचिव हरीचंद, वार्ड सदस्य नरेश कुमार एवं कौशल्या देवी, ग्राम पंचायत काहला की प्रधान रीता देवी, उपप्रधान राजेश कुमार, वार्ड सदस्य मीना, देशराज, शिवानी, प्रितमा, मदन लाल, ग्राम पंचायत समोग की प्रधान सुमित्रा देवी, उपप्रधान कैलाश भाटिया, वार्ड सदस्य भूपेन्द्र, पंचायत सचिव तेजेन्द्र वर्मा, ग्राम पंचायत दानोघाट की प्रधान मंजू ठाकुर, उपप्रधान टेकचन्द, वार्ड सदस्य मालती देवी सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए कार्यान्वित किए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत आज पर्वतीय लोकमंच दाड़वा के कलाकारों द्वारा नालागढ़ विकास की ग्राम पंचायत रामशहर तथा छियाछी में प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया गया। धर्मपुर विकास खण्ड में शिव शक्ति कलामंच के कलाकारों द्वारा ग्राम पंचायत दाड़वां के गांव शायला तथा ग्राम पंचायत चण्डी के गांव बोंटरा तथा हिम सांस्कृतिक दल ममलीग के कलाकारों द्वारा ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ के गांव कुठाड़, ग्राम पंचायत घड़सी के गांव घड़सी में सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों तथा योजनाओं की जानकारी गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदान की गई। कलाकरों ने बताया कि राज्य में सामाजिक सुरक्षा पैंशन योजना के अन्तर्गत सोलन ज़िला में वर्तमान में लगभग 36 हजार पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पैंशन प्रदान की जा रही है। सामाजिक सुरक्षा पैंशन उपलब्ध करवाने पर लगभग 147 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। ज़िला में 60 से 69 वर्ष के सामाजिक सुरक्षा पैंशन धारकों की संख्या 11 हज़ार 32 है। 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पैंशनरों की संख्या 16,855 है। 65 से 69 वर्ष आयुवर्ग में 2560 पात्र महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पैंशन दी जा रही है। लोगों को जानकारी दी गई कि अनुसूचित जाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छरत्राओं के लिए केन्द्रीय प्रायोजित छात्रावास निर्माण योजना के अनतर्गत 50ः50 के अनुपात में 8 छात्रावास निर्माण योजना का कार्यान्वयन किया जा रहा है। विवाह अनुदान योजना के अन्तर्गत स्वेच्छा से 40 से 74 प्रतिशत तक दिव्यांग लड़के अथवा लड़की से विवाह करने पर प्रोत्साहन के रूप में 25 हजार रुपए तथा 74 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता की स्थिति में 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाती है। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य राहुल शर्मा, बीडीसी सदस्य सुषमा शर्मा, ग्राम पंचायत रामशहर की प्रधान कृष्णा शर्मा, उप प्रधान हेमराज, ग्राम पंचायत छियाछी की प्रधान कांता देवी, उपप्रधान परमजीत सिंह, ग्राम पंचायत घड़सी के प्रधान सुरेन्द्र कुमार, उपप्रधान दिनेश शर्मा, वार्ड सदस्य रेणू, सावित्री, अनूप कुमार, ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ के प्रधान कैलाश शर्मा, उपप्रधान पुष्पेन्द्र, ग्राम पंचायत दाड़वां के प्रधान रमेश चंद, वार्ड सदस्य केशव राम, मास्टर किरपा राम, ग्राम पंचायत चण्डी के प्रधान बलवंत, वार्ड सदस्य चमन लाल, मनोज चैहान, सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
राष्ट्रीय विधिक सेवाएं दिवस पर आज राष्ट्रीय महिला आयोग, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा ग्राम पंचायत नौणी मझगांव में एक दिवसीय महिला जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी कपिल शर्मा ने की। कपिल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि भारत का संविधान समाज के सभी वर्गों को एक समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को न्याय प्राप्त करने के बराबर अधिकार प्रदान करने और इस दिशा में जागरूक बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नियमित रूप से जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं। महिलाओं को विभिन्न अधिनियमों एवं कानून की जानकारी प्रदान करने के लिए अलग से भी शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पूर्ण रूप से समानता का अधिकार दिलाने के लिए समाज के सभी वर्गों के दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शोषण, घरेलू हिंसा एवं अन्य उत्पीड़न से महिलाओं को बचाने के लिए जहां महिलाओं को कानून की व्यापक जानकारी होनी चाहिए वहीं समाज के सभी वर्गों का इस दिशा में सचेत रहना भी आवश्यक है। उन्होंने इस अवसर पर घरेलू हिंसा अधिनियम-2005, मौखिक व भावनात्मक उत्पीड़न एवं आर्थिक उत्पीड़न के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामले सुलझाने का आग्रह किया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी ने कहा कि 03 लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाले व्यक्ति, महिला, दिव्यांग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या बच्चों को निःशुल्क कानूनी प्रदान करने का प्रावधान है ताकि धन के अभाव या अन्य किसी लाचारी के कारण ज़रूरतमंदों को न्याय से वंचित न होना पड़े। उन्होंने नालसा ऐप विधिक सेवा डोर टू डोर अभियान, पोस्को अधिनियम तथा आऊटरीच अभियान के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। कपिल शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के अन्तर्गत इन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 14 नवम्बर तक विधिक जागरूकता एवं अन्य आऊटरीच गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इससे पूर्व अधिवक्ता दोषी नेगी ने महिलाओं को स्वास्थ्य का अधिकार, भू्रण हत्या, गर्भाधारण के बारे में जानकारी प्रदान की गई। शिविर में महिलाओं को गिरफ्तार करने से पूर्व तथा गिरफ्तारी के पश्चात के अधिकारों के बारे में भी बताया गया। अधिवक्ता श्वेता शर्मा ने दहेज उन्मूलन अधिनियम तथा भरण-पोषण अधिनियम के बारे में महिलाओं में जानकारी प्रदान की। शूलिनी विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डाॅ. पुष्पांजलि सूद ने भारतीय अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका तथा इसी विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर स्वाति सोनी ने देश व प्रदेश की उन्नति में हिमाचल की महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर ग्राम पंचायत नौणी मझगांव के प्रधान मदन हिमाचली ने सभी का स्वागत करते हुए आग्रह किया इस तरह के शिविर नियमित अन्तराल पर आयोजित किए जाने चाहिएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सदैव सजग रहना होगा। शिविर में ग्राम पंचायत नौणी मझगांव के पूर्व प्रधान राम किशन मैहता, बीडीसी सदस्य अनीता, डाॅ.शालिनी, डाॅ.योगिता, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक योगिता चैधरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग से डाॅ.वन्दना तथा बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा 11 नवम्बर को एग्री क्लीनिक एवं एग्री बिजनेस योजना पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह जानकारी नाबार्ड के जिला विकास प्रबन्धक अशोक चैहान ने दी। अशोक चैहान ने कहा कि यह कार्यशाला हिमानी होटल सोलन में प्रातः 11.00 बजे आरम्भ होगी। कार्यशाला में बैंकर्स, सम्बन्धित विभागों, सम्भावित उद्यमियों जो कृषि व बागवानी से सम्बन्धित डिप्लोमा या डिग्री धारक है, को योजना के विषय में परिचित करवाया जाएगा।
जिला परिषद सोलन की त्रैमासिक बैठक 11 नवम्बर को जिला परिषद भवन सपरून, सोलन में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जिला पंचायत अधिकारी एवं जिला परिषद के सचिव रमेश चंद ने दी। उन्होंने कहा कि बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष रमेश ठाकुर करेंगे। बैठक प्रातः 11.00 बजे आरम्भ होगी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 10 नवम्बर से 9 दिसम्बर तक जिला सिरमौर के 55-पच्छाद विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य 1जनवरी, 2022 की अर्हता तिथि के आधार पर करवाया जा रहा है। यह जानकारी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी नागरिक पच्छाद सराहन डॉ मेजर शशांक गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि पच्छाद विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी नगारिक जो 1 जनवरी, 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे है, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा लें ताकि आगामी लोकसभा व विधानसभा निर्वाचनों के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों, स्थानीय राजनैतिक दलों, गैर सरकारी स्वयं सेवी संगठनों, महिला एवं युवक मण्डलों से आह्वान किया है कि 10 नवम्बर से 9 दिसम्बर तक प्रारूप में प्रकाशित मतदाता सूचियों का निरीक्षण कर लें और पात्र व्यक्तियों के नाम दर्ज करने तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिए अपना पूर्ण सहयोग दें। शशांक गुप्ता ने बताया कि 10 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाना है। जिसके अनुसार 55-पच्छाद(अ0जा0) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाओं की संख्या 74884 है, जिसमें 38489 पुरूष मतदाता व 36395 महिला मतदाता है।
जिला दण्डाधिकारी सोलन कृतिका कुलहरी ने कोविड-19 संकट के दृष्टिगत प्रदेश के मुख्य सचिव एवं राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष द्वारा 8 नवम्बर को विद्यालय खोलने के सम्बन्ध में जारी आदेशों के अनुरूप आवश्यक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार शिक्षा विभाग को सोलन जिला में 10 नवम्बर से कक्षा तीसरी से विद्यालय खोलने की अनुमति प्रदान की गई है। पहली तथा दूसरी कक्षा के लिए विद्यालय 15 नवम्बर से खोलने की अनुमति दी गई है। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षा विभाग ऐसी सभी मानक परिचालन प्रक्रियाओं का पालन करेगा जो कोविड-19 नियम पालन के अनुरूप हो तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करती हों। राज्य में मास्क नहीं तो सेवा नहीं की नीति क्रियाशील रहेगी। सभी सामाजिक, अकादमिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, राजनीतिक, धार्मिक एवं अन्य समागमों के लिए इंडोर, कवर्ड क्षेत्रों तथा खुले स्थानों में कुल क्षमता के 50 प्रतिशत के साथ कार्यक्रम की अनुमति होगी। सभी स्थानों पर कोविड-19 सुरक्षा मानकों एवं नियमों का पालन करना होगा। इन आदेशों की अवहेलना तथा कोविड-19 से बचाव के लिए उपयुक्त व्यवहार की अनुपालना न करने पर दोषी के विरूद्ध आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 की धारा 51 से 60, भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेंगे।
श्री शिव जगन्नाथ मन्दिर हार बाग पुली में पिछले दो दिनों से चल रही श्रीमद भागवत कथा के तीसरे दिन कथा व्यास पंडित सुमित शास्त्री ने वर्णन करते हुए कहा भगवती सती जब अपने पिता दक्ष के घर यज्ञ में पहुंची तब वहां भगवान शिव के लिए कोई भी स्थान ना देखकर बड़ी दुखी हुई और योगाग्नि प्रकट कर उसमें भसम हो गई। भगवती माता के जहां भी अंग पतन हुए वहां एक शक्तिपीठ बना। शास्त्रों में वर्णन आता कि जो भी मनुष्य एक शक्तिपीठ का भी विधिवत पूजन कर ले तो उसका जीवन सफल हो जाता है। माता सती का अगला जन्म हिमालय की पत्नी मेनका के यहां पार्वती के रूप में हुआ। ऐसा वर्णन आता है कि पार्वती ने स्वस्थानी माता का दिव्य व्रत अनुष्ठान किया और पति रूप भगवान शिव को पाया। कथा में जगदीश शर्मा अंकित आचार्य, पंडित पीयूष, संजू शर्मा, रक्षित, रूपलाल, सन्नी, सानवी, मानवी व रीना ने भाग लिया। कल यहां भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जायेगा।
पैन इंडिया अवेयरनेस एवं आउटरीच अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से आईमा के आंबेडकर भवन में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इस शिविर की अध्यक्षता सदस्य सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकारण एवं सीनियर जज कांगड़ा विजय लक्ष्मी ने की। इस शिविर में लगभग 60 महिला पंचायत प्रधान और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। महिलाओं को संबोधित करते हुए सीनियर जज विजय लक्ष्मी ने आईपीसी 354 और 376 के सभी कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी शिविर के दौरान दी। उन्होंने कहा कि पैसे की कमी और जानकारी के अभाव में कोई न्याय से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निशुल्क कानूनी सलाह व सहायता का प्रावधान किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से सम्बंधित सभी कानूनों की भी विस्तृत जानकारी दी ।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 10 नवंबर से 9 दिसंबर तक मतदाता सूचियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के लिए प्रतिनियुक्त अभिहित अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों व पर्यवेक्षकों के लिए मंगलवार को अम्बेदकर भवन राजगढ़ में तहसीलदार राजगढ़ कपिल तोमर की अध्यक्षता में पूर्वाभ्यास करवाया गया। इस दौरान 1 से 51 तक के मतदान केंद्रों के 108 अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने इस पूर्वाभ्यास में भाग ले रहे अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्रथम जनवरी, 2022 को अर्हता तिथि के आधार पर लोकसभा और विधान सभा निर्वाचनों के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण करवाया जा रहा है। कपिल तोमर ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के कार्य को पूरा करने व फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को परिपूर्ण करने के लिए विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। निर्वाचन कानूनगो मनोज कुमार तथा लिपिक राकेश पुंडीर ने मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण व दावे व आक्षेप हेतु प्रयोग किए जाने वाले विभिन्न फार्मों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
अदालतों में लम्बित मामलों के दृष्टिगत प्रशासनिक सचिवों और महाधिवक्ता के साथ बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा कि गई। बैठक में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश के सभी विभागों में बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया है ताकि विभिन्न न्यायालयों में चल रहे मामलों को शीघ्र सुलझाया जा सके तथा प्रदेश में विकासात्मक गतिविधियां चलती रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने एक लिटिगेशन माॅनिटरिंग साॅफ्टवेयर विकसित किया है और इस साॅफ्टवेयर में सभी अदालती मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महत्वकांक्षी परियोजनाओं से सम्बन्धित और प्रमुखता वाले मामलों को विशेष प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रशासनिक सचिवों को महाधिवक्ता के कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित करना चाहिए ताकि अदालतों में मामलों को शीघ्र सुलझाया जा सके। आगे उन्होंने कहा कि जेओए आईटी, जेबीटी इत्यादि से सम्बन्धित अदालती मामलों में तेजी लाई जानी चाहिए, क्योंकि इससे हजारों युवा लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इन भर्तियों पर लगी रोक को हटाने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने माननीय न्यायालयों से इन मामलों को सुलझाने का अनुरोध किया। विभिन्न स्वीकृतियों और अदालतों में लम्बित मामलों के कारण कई विकासात्मक परियोजनाओं में विलम्ब हुआ है। उन्होंने विभिन्न न्यायालयों में स्वीकृति प्राप्त करने सम्बन्धी मामलों में अधिकारियों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल आम लोगों को लाभ होगा बल्कि परियोजना सम्बन्धी लागत से भी बचा जा सकेगा। उन्होंने विभिन्न लम्बित मामलों की निगरानी के लिए नियमित बैठकों का आयोजन करने के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सम्बन्धित अधिकारी और अधिक समन्वय और समर्पण भाव से कार्य करेंगे। प्रधान सचिव गृह रजनीश ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। महाधिवक्ता अशोक शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और जेसी शर्मा, प्रधान सचिव सुभाषीश पांडा, सचिव विकास लाबरू, राजीव शर्मा और अमिताभ अवस्थी भी बैठक में उपस्थित थे।
कसौली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पट्टा बरौरी में लगभग 79 लाख रू की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थय केंद्र का निर्माण करीब पूर्ण हो चुका है। भवन निर्माण की जानकारीे देते हुए क्षेत्र के समाजसेवी एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से सेवानिवृत हुए अधिकारी डीडी कश्यप ने बताया कि 4 सितंबर 2017 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस भवन के निर्माण कीे मंजूरी देते हुए 78,91,900 रू स्वीकृत किए थे तथा प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने 24 मई 2016 को इस प्राथमिक स्वास्थय केेंद्र की आधारशिला रखी थी। उन्होने बताया कि भवन में कुछ कार्य शेष है, जिससे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होने कहा कि इस भवन के लोकार्पण के साथ ही क्षेत्र के लोगों की बरसों पुरानी मांग भी पूरी हो जाएगी। उन्होने बताया कि वर्ष 2006 में पंचायत समीति सदस्य रहते हुए उन्होंने उक्त भवन के लिए लंबा संघर्ष किया था। उन्होने स्वास्थय मंत्री डॉ राजीव सहजल से आग्रह किया है कि भवन के शेष बचे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाऐं, ताकि शीघ्र ही उक्त भवन का लोकार्पण किया जा सके तथा क्षेत्र वासियों को इसका लाभ मिल सके। पूर्व बीडीसी सदस्य ने यह भी मांग की है, कि भवन में उचित मूल्य की दवाईयों तथा कैंटीन हेतू भी कमरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
एम्स बिलासपुर में अब प्रयास संस्था की एंबुलेंस जरूरतमंदों को अपनी सेवाएं प्रदान करेगी। स्वास्थ्य के क्षेत्र में लंबे समय से हिमाचल प्रदेश में आम जनमानस को घर द्वार पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने वाली संस्था प्रयास द्वारा केंद्रीय सूचना प्रसारण युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के सहयोग से बिलासपुर के एम्स कॉलेज के लिए एंबुलेंस प्रदान की जा रही है। एम्स बिलासपुर में ओपीडी शुरू हो चुकी है। जहां पर ओपीडी में आए मरीजों को कई बार अस्पताल में भर्ती होने हेतु बिलासपुर के जिला अस्पताल भेजने के लिए रोगी वाहन की जरूरत पड़ती है। इस जरूरत को देखते हुए प्रयास संस्था एक एम्बुलेंस एम्स बिलासपुर को दे रही है। समीरपुर से मंगलवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने हरी झंडी दिखाकर इस एंबुलेंस को एम्स बिलासपुर के लिए रवाना किया। यह एम्बुलेंस एम्स अस्पताल बिलासपुर की ओपीडी से इंडोर मरीजों को जिला अस्पताल ले जाने का कार्य करेगी।
जयराम सरकार ने पच्छाद को बड़ी बड़ी सौगातें दी है और बहुत सी जनकल्याणकारी योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित हुए है। अब यह कार्यकर्ताओ का फर्ज बनता है कि वे गांव गांव में इसका प्रचार करे और जरूरतमंद लोगों तक ये योजनायें पहुंचाए। यह बात पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने राजगढ़ में भाजपा पच्छाद मण्डल की मासिक बैठक के दौरान कार्यकर्ताओ से कही। पच्छाद मंडल मिडिया प्रभारी नवीन शर्मा ने बताया कि बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई व केंद्र व प्रदेश नेतृत्व द्वारा नियुक्त किये गए कार्यक्रमो पर संघठन के कार्यों को गति देने पर विचार विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि विधायक रीना कश्यप ने शीघ्र ही हर बूथ का प्रवास करेंगी व गांव गांव तक खुद पहुंच कर समस्याओं का निवारण करेंगी। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं से मिशन 2022 में जुटने की अपील की ताकी 2022 में पुनः प्रदेश व पच्छाद में कमल का फूल खिलाया जा सके। बैठक में अरुण चौहान, राकेश नेगी, सुभाष, रीना ठाकुर, ओपी तोमर, अमित शर्मा, रंजीत ठाकुर, कपूर सिंह, विद्यानंद कश्यप, संजय शर्मा, अरुण ठाकुर, सुनीता आदि भाजपा नेता उपस्थित रहे।
उपमंडल इंदौरा के अंतर्गत पड़ते गाँव डैक्वा में करवाए जा रहे दो दिवसीय शहीद संजीव सिंह कीर्ति चक्र विजेता बॉलीवाल टूर्नामेंट का देर रात समापन हो गया । इस टूर्नामेंट में हिमाचल व पंजाब से तीन दर्जन से ऊपर नामी टीमों ने अपनी खेल के रंग दिखाए। प्रथम दिन टूर्नामेंट का शुभारंभ क्षेत्र में प्रमुख उद्योगपति एवं भाजपा महामंत्री रणवीर निक्का द्वारा टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया था। बीती रात टूर्नामेंट का समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दविंदर मनकोटिया ने शिरकत की। इस मौके पर उनके साथ घोड़न पंचायत के प्रधान रछपाल नीटू, छन्नी के प्रधान राय सिंह, सैनिक कल्याण बोर्ड पंजाब के चेयरमैन ठाकुर दर्शी, कांग्रेस कमेटी के सचिव कालू भूरिया, समाजसेवी राजीव वशिष्ठ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। टूर्नामेंट का फाइनल का मुकाबला पंजाव की टीमों अमरगढ़ व सरना पठानकोट के मध्य हुआ। जिसमें अमरगढ़ विजेता व सरना उपविजेता रहा। विजेता टीम को 21000 की नगद राशि व ट्राफी, उपविजेता को 11000 की नगद राशि व ट्राफी और तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 5100 सौ की नगद राशि देकर कमेटी की ओर से समानित किया गया। मुख्य अतिथि मनकोटिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप युवा हमारे देश का भविष्य हो, युवायों को नशे की लत को छोड़ खेलो की ओर अधिक ध्यान देना चाहिए। युवाओं द्वारा हर वर्ष यह टूर्नामेंट करवाया जाता है जोकि एक बहुत ही सराहनीय प्रयास है और शहीद के परिवार का सम्मान है।
राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में बेटी बचाओ, बेटी पढाओ अभियान पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें नृत्य, नारा लेखन, भाषण प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। प्रस्तुत कार्यक्रम महिला आयोग की अध्यक्षा प्रो रेखा पठानिया के द्वारा आयोजित करवाया गया। जिसमें उन्होने बताया वैदिक ग्रन्थों में मनु स्मृति में कहा गया है यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता: यह पंक्ति पुस्तकों में ही रह गई। बेटा-बेटी में भेदभाव किया जाता है। इस कुरति को खत्म करने के लिए हमें भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, बाल विवाह, तलाक जैसी घिनौनी प्रथा को रोकना चाहिए। तभी हम बेटी को बचा सकते है। कन्या नहीं बचाओगे तो अष्टमी कैसे मानोओगे। बेटी है अनमोल रत्न, कब इसे तोल सकता है धन। जिसकी अध्यक्षा प्राचार्य महोदय राजकुमार ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से रैली भी निकाली गई। गाना प्रतियोगिता में पल्लवी प्रथम रहीं। भाषण में अंजलि प्रथम, सपना द्वितीय तथा विशाखा तृतीय रही। इस अवसर पर प्रो विवेक, प्रो रजनी, प्रो दीप्ती उपस्थित रही।
शिमला ग्रामीण जिला संयोजक अंकुश जिंटा का कहना है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंत्रिमंडल द्वारा गठित कमेटी का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि जब से हिमाचल प्रदेश बना है तब से प्रदेश में केवल एक ही प्रदेश विश्वविद्यालय बना है जो शिमला में स्थित है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां ऐसी नहीं है कि प्रदेश के सारे विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के लिए शिमला को तरजीह दे सकें। अगर पीजी कक्षाओं में सीटों की बात करें तो सीमित सीटें होने की वजह से भी बहुत सारे छात्र शिमला में दाखिला नहीं ले पाते हैं जिस कारण मजबूरी में छात्रों को या तो निजी विश्वविद्यालयों में भारी भरकम फीस देकर दाखिला लेना पड़ता है या फिर प्रदेश से बाहर पढ़ाई करने जाना पड़ता है। इसलिए विद्यार्थी परिषद प्रदेश सरकार से मांग करती रही की क्लस्टर विश्वविद्यालय को प्रदेश विश्वविद्यालय बनाया जाए। यदि क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाता है तो प्रदेश में निचले क्षेत्रों के लगभग 6 जिलों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा तथा बहुत सारे विद्यार्थी प्रदेश विश्वविद्यालय नजदीक बनने पर अपनी उच्च स्तरीय पढ़ाई का स्वप्न साकार भी कर सकेंगे। मंत्रिमंडल द्वारा चयनित कमेटी से प्रदेश के हजारों छात्रों को लाभ प्राप्त होगा और मंडी जिला में प्रदेश के दूसरे विश्वविद्यालय का निर्माण होगा।
ठियोग में जान से मारने की धमकी देकर रेप का मामला सामने आया है। 22 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अरुण नामक पड़ोसी व्यक्ति उसके कमरे में आया व उसकी तस्वीर खींच ली। उसके बाद उसने कहा कि यदि महिला ने उसके साथ शरीरिक संबंध नही बनाए तो वह इन तस्वीरों को वायरल कर देगा। इतना ही नही यदि ये बात किसी को बताई तो वह उसके पति व बच्चों को मौत के घाट उतार देगा। मामला अक्टूबर माह का है लेकिन जब दोबारा अरुण महिला से जबरदस्ती करने लगा उसके बाद महिला ने मामला दर्ज़ करवाया गया है। देहा पुलिस ने धारा 376, 452, 506 के तहत मामला दर्ज़ कर लिया है व जांच शुरू कर दी है।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ती जखोटा पंचायत में स्थानीय युवाओं द्वारा कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया। मिली जानकारी के अनुसार फाइनल मुकाबला भुपंल बनाम बोहल जागीर रहा जिसमें भुम्पल विजेता और बोहल जगीर टीम उप विजेता रही है। प्रतियोगिता में मुख्यतिथि के रूप में पहुंचे पंचायत प्रधान सुमित राणा ने तमाम युवाओं का जोश बढाया। वहीं उन्होंने कहा कि खेल हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा है। खेल बहुत ही अच्छी शारीरिक गतिविधि है जो तनाव और चिन्ता से मुक्ति प्रदान करता है। खेल हमारे जीवन का एक एहम हिस्सा है, यह हमारे शारीरिक एवम् मानसिक दोनो ही विकास का स्त्रोत है। यह हमारे शरीर के रक्त परिसंचरण मे सहायक है, वही दूसरी ओर हमारे दिमागी विकास मे लाभकारी है। इस दौरान पंचायत सदस्य जोगिंदर सिंह, सम्मू कुमार विशेष रूप से पहुंचे। वहीं कमेटी सदस्य जतिन, अंकु, मनीष, आदित्य, लड्डू, हिमांशु, अभय, अंशुल आदि उपस्थित रहे।
काव्य वर्षा की द पिल्लो ने बैंगलोर में नेशनल शार्ट फ़िल्म अवार्ड जीता है। काव्य वर्षा का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं है। काव्य लम्बे समय से लेखन कार्य में अपना नाम स्थापित कर चुकी हैं, चाहे कविता लेखन हो या कहानी लेखन, दोनों ही कार्य में अपनी छाप छोड़ जाती हैं। एक बार फिर उन्होंने एक और अवार्ड अपने नाम किया है। बैंगलोर में हुए नेशनल शार्ट फ़िल्म अवार्ड्स में उनकी लिखी शार्ट फ़िल्म द पिल्लो को बेस्ट फ़िल्म के अवार्ड से नवाजा गया जो कि हिमाचल प्रदेश के लिए बहुत ही गर्व की बात है। 2000 शार्ट फिल्मों में चयनित होकर द पिल्लो ने टॉप 200 में अपनी जगह बनाई और बेस्ट फ़िल्म का अवार्ड हासिल कर सबको हैरान कर दिया। इससे पहले द पिल्लो को 2 अवार्ड्स मिल चुके हैं और 7 नेशनल और इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल में यह फ़िल्म जल्द ही दिखाई जाएगी। इसके अलावा उनकी कुछ दिन पहले रिलीज़ हुई शार्ट फ़िल्म समाज ने भी खूब सुर्खियां बटोरी। समाज शार्ट फ़िल्म को भी 17 नेशनल और इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल में भेजा गया है। दोनों ही फिल्मों का निर्देशन एकलव्य सेन ने किया है। अपनी निर्देशन कला से जो कमाल उन्होंने कर दिखाया है वह काबिले तारीफ है। काव्य वर्षा और एकलव्य दोनों ही हिमाचल में शार्ट फ़िल्म निर्माण में एक नाम स्थापित कर चुके हैं। काव्य वर्षा ने बताया कि हिमाचल में अब शार्ट फ़िल्म निर्माण के एक नए युग की शुरुआत हो चुकी है बस अब उनको अपनी आने वाली 3 और शार्ट फिल्मों और गानों का इंतज़ार है।
जसवां-परागपुर के प्रसिद्ध समाजसेवी व कस्बा जागीर के उपप्रधान मुकेश ठाकुर ने अपने सामाजिक कार्यों से क्षेत्र वासियों को प्रभावित किया है।इसी कड़ी में रविवार को उन्होंने कूहना, कोलापुर, वणी, कड़ौआ, रोडी़-कोड़ी, तयामल, लंडियारा, रैल, नारी व वरनाली पंचायत में लड़कियों की शादी के लिए शगुन दिया। साथ ही समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने जसवां-परागपुर क्षेत्र की पंचायत कलोहा में बच्चो को पढ़ाई के लिए किताबें कॉपियाँ भी प्रदान की और बच्चों को खेलने के लिए खेलकूद का सामान भी दिया। समाजसेवी मुकेश ठाकुर जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ा नाम उभर कर सामने आया है। अपनी नेक कमाई की रकम से लोगो की सहायता करना मानो उनका ध्येय बन चुका है।
भले ही हिमाचल सरकार प्रदेश भर की प्रत्येक ग्राम पँचायत मे बेहतर स्वास्थय सेवाएं व बेहतरीन स्वास्थय भवन मुहैया करवाने के दावे कर रही है लेकिन ब्लॉक खंड परागपुर के अन्तर्गत ग्राम पँचायत चौली सरकारी दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। ग्राम पंचायत चौली मे सैकडो लोगो की स्वास्थय सुविधा हेतु बना सरकारी भवन मौजूदा समय मे इन दिनो खूद दम तोडता नज़र आ रहा है। पँचायत उप प्रधान दलीप सिंह वर्मा का आरोप है कि लैटलदार दो कमरो मे चल रहे उक्त इमारत मे इलाके भर के लोगो की सेहत की जाचं का ज़िम्मा सम्भालने वाले स्वास्थय कर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। उक्त पुराने सरकारी भवन की दीवारों पर बडी बडी दरारें साफ नजर आ रही है। यहां तक की उक्त भवन से छत का सरिया भी बाहर झाक रहा है। लिहाज़ा इस भवन के दरवाजे खिड़कियां भी धीरे-धीरे साथ छोडने लगे है। लेकिन इसके बाबजूद भी यहा तैनात सरकारी मुलाजिम इस बेहद खस्ताहाल भवन मे अपनी सेवाएं देकर स्थानीय ग्रामीणों की सेहत का उपचार कर रहे है जो कि किसी बडे खतरे से खाली नही है। उप प्रधान दलीप सिंह वर्मा का आरोप है कि अगर डयूटी टाइम के दौरान कही यह इमारत गिर गई तो भारी तबाही हो सकती है। शायद बाद मे विभागीय अधिकारियों के पास अपनी सफाई देने के लिए कोई जबाब नही होगा। पँचायत उप-प्रधान दलीप सिह वर्मा व अन्य ग्रामीणो का अरोप है कि इस बारे कई बार विभागीय अधिकारीयों से मौखिक व लिखित रुप से भी शिकायत की गई लेकिन कोई असर नही हुआ। यहां तक की दो बार इस बाबत सीएम हैल्पलाईन पर भी शिकायत की गई है परन्तु अभी तक नतीज़ा शुन्य रहा है। वहीं स्थानिय ग्रामीणों ने जिलाधीश कांगडा व प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम से मांग की है कि जल्द उक्त भवन से निजात दिलवाई जाए। उधर इस सम्बन्ध में बीएमओ डाडासीबा डॉक्टर सुभाष ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इसकी रिपोर्ट उच्च अधकारियों को भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही इसकी मरम्मत का कार्य करवाया जाएगा।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आज प्रख्यात फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपने पति राज कुंद्रा के साथ मां ज्वालामुखी के दरबार में हाजिरी लगाई और विधिपूर्वक मां के दर्शन किए। उन्हें मंदिर न्यास ज्वालामुखी की तरफ से तहसीलदार ज्वालामुखी दीनानाथ यादव ने मां की तस्वीर चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उनके कई समर्थकों और प्रशंसकों ने उनके साथ सेल्फी ली और फोटो खिंचवाई। मां के दरबार में आकर शिल्पा शेट्टी और उनके पति ने सिर्फ इतना बोला कि उन्हें काफी शांति और सुकून यहां पर आकर मिला है और हिमाचल प्रदेश में वे जब भी आते हैं उन्हें अपने आप में अध्यात्मिक बल मिलता है।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते बनखंडी स्थित माता बगलामुखी मंदिर में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने परिवार सहित विधिवत पूजा अर्चना की और मां बगलामुखी का शुभ आशीर्वाद लिया। मन्दिर के मुख्य प्रबंधक महंत रजत गिरी द्वारा उनकी विधिवत पूजा अर्चना करवाई गयी साथ ही उन्हें माता बगलामुखी मां का स्मृति चिन्ह और माता की चुनरीचुनरी भेंट दी। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ उन्होंने सेल्फियां और फोटोज ली। इस दौरान अभनेत्री शिल्पा शेटी मन्दिर में आकर काफी खुश दिखी।
हिमाचल प्रदेश में तीन विधानसभा और एक लोक सभा उपचुनाव के नतीजों ने भाजपा की नीव को हिला कर रख दिया है। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव व दरंग विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राकेश चौहान ने जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह सच्चाई है कि भाजपा के अंदर नैतिकता नाम की कोई चीज ही नहीं है, उन्हें यहां नैतिकता नहीं कुर्सी प्यारी है। चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने यह संकेत दे दिए हैं कि जयराम सरकार को चलता करने में वह पीछे नहीं रहेगी। लेकिन यही सच्चाई है कि कांग्रेस पार्टी को जिला मंडी में गंभीरता से मंथन करने की जरूरत है। जिला मंडी में हर विधानसभा क्षेत्र पर पार्टी के प्रति निष्ठावान और ईमानदारी से काम करने वाले और ज्यादा कार्यकर्ताओं को जोड़ने व साथ ही उनके मनोबल को और बढ़ा, पूरी रणनीति के साथ जिला में काम करने की जरूरत है। उसमें विशेष रूप पर प्रदेश पार्टी नेतृत्व और आलाकमान को रणनीति बनानी होगी।
सोलन नगर निगम चुनावों की बाजी कांग्रेस के पक्ष में करने के बाद फतेहपुर उपचुनाव में बतौर प्रभारी अपनी चुनावी दक्षता साबित कर चुके सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा जीत के बाद सुजानपुर में डट चुके हैं। राणा ने 8 नवंबर सोमवार को सुजानपुर के चमियाणा क्षेत्र के 5 महिला मंडलों को सहयोग करते हुए 12-12 हजार रुपये की सहयोग राशि व टेंट देकर सम्मानित किया। इस दौरान राणा ने कहा कि हिमाचल का लोकतांत्रिक मॉडल सच में ही समाज का गठन करने में सफल हुआ है। इस संदर्भ में समूचे राष्ट्र ने हिमाचली मतदाताओं का संदेश देखा व पढ़ा है कि आसमान छूती महंगाई पर बीजेपी की सत्ता का मदमस्त मोर ज्यादा देर नहीं नाच सकता है। राणा ने कहा कि सुजानपुर की हैसियत दर्ज करवा चुके उपचुनावों के नतीजों ने समूचे राष्ट्र में हिमाचली उपचुनाव परिणामों का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि दिलचस्प यह रहा कि उपचुनाव में न हिमाचल के मुखिया की बात मतदाताओं ने सुनी है और न ही हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सेलिब्रिटी हाईप्रोफाइल नेता की मानी गई है। राणा ने कहा कि अभी भी महंगाई व बेरोजगारी आसमान पर है। बीजेपी ने पेट्रोल-डीजल के दाम 2014 के मुकाबले में 40 से 50 रुपये बढ़ाकर 5 रुपये कम करके फिर जनता को ठगने का झांसा दिया है। इस झांसे में पेट्रोल-डीजल के दाम बेशक 5 से 10 रुपये कम किए गए हैं लेकिन बाकी चीजों की महंंगाई अभी भी सरकार चुपके-चुपके बढ़ाकर जनता को ठग रही है। हिमाचल में अब सीमेंट के दाम 30 से 35 रुपये बढ़ाए गए हैं। राणा ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि हिमाचली जनता ने महंगाई के खिलाफ फतवा जारी किया है। लेकिन अभी भी जनता को लगातार महंगाई के खिलाफ एकजुट होकर अताताई बीजेपी शासन की सत्ता पर वोट की चोट करने की बड़ी जरूरत है। ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता के हितों पर डाका डालने वाली बीजेपी सरकार का सूपड़ा साफ हो सके।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारणी बैठक में यह तय हुआ है कि देश में 8 लाख बूथों पर बूथ कमेटी की रचना का काम पूरा हो गया है। बाकि बचे बूथों पर बूथ कमेटी बनाने का काम 25 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पन्ना प्रमुख बनाने का काम भी 6 अप्रैल तक पूरे करने हैं। बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' सुनने के कार्यक्रम का प्रयास सराहनीय है। मई 2022 तक देश के हर बूथ पर पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ के विशिष्ट लोगों के साथ मिल कर मन की बात कार्यक्रम सुनने की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने बताया कि बैठक में पांच राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों पर चर्चा हुई और इन चुनावों की तैयारी को लेकर देश के नेतृव ने संतोष व्यक्त किया गया। राष्टीय नेतृत्व ने बैठक में विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा और तेजस्वी, ओजस्वी और विजयी बन कर निकलेगी। उन्होंने बताया कि कोविड के चलते हमें वैक्सीनेशन को ध्यान में रखते हुए अब ' हर घर दस्तक ' कार्यक्रम को सफल बनाना है। भारतीय जनता पार्टी के 10 लाख हेल्थ वालंटियर्स इसमें सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए उपचुनावों की भी चर्चा हुई। तेलंगाना में पार्टी की भव्य जीत, तमिलनाडु के पंचायत चुनाव में भाजपा का बेहतर प्रदर्शन, असम-बिहार और मध्य प्रदेश में भाजपा का शानदार प्रदर्शन और चुनौतियों के बावजूद हरियाणा की एलानाबाद विधान सभा उपचुनाव पर भाजपा के मत में लगभग 10 % की वृद्धि पर भी रोशनी डाली गई। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी 36 प्रदेशों से कार्यकारी सदस्य, मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष वर्चुअली जुड़े थे। कार्यक्रम को हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि बैठक में कोरोना के खिलाफ भारत की लड़ाई, आर्थिक सुधार और पर्यावरण के संबंध में भारत की प्रभाविका भूमिका को लेकर 4 पुस्तकों का भी विमोचन किया गया। उन्होंने बताया कि सभी मोर्चों की संयुक्त कार्यकारणी बैठक 31 दिसंबर तक पूरा का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है, भाजपा की प्रदेश कार्यकारणी बैठक 22 नवंबर, ज़िला कार्यकारणी बैठक 6 दिसंबर और मंडल कार्यकारणी बैठक 20 दिसंबर तक पूर्ण की जाएगी।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा सोलन जिला के सभी विकास खण्डों में 9 नवम्बर से अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए विशेष प्रचार अभियान आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां एक विभागीय प्रवक्ता ने दी। उन्होंने कहा कि 9 नवम्बर से कार्यान्वित किए जाने वाले इस विशेष प्रचार अभियान में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं के साथ-साथ सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों तथा योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी एवं जन-जन को नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने भारत के निर्वाचन आयोग के पूर्व अनुमोदन से 4-शिमला (अनुसूचित जाति) संसदीय क्षेत्र के तहत सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्र की सूचना प्रकाशित कर दी है। यह प्रकाशन सूचना जन प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 25 के प्रावधानों के अनुरूप जारी की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 132, 51-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 115, 52-दून विधानसभा क्षेत्र में 96, 53-सोलन (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में 128 तथा 54-कसौली (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में 105 मतदान केन्द्रों की सूची प्रकाशित की है।
नेहरू युवा केन्द्र सोलन द्वारा सोलन जिला के युवाओं से भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 15 नवम्बर तक आवेदन आमन्त्रित किए गए हैं। यह जानकारी नेहरू युवा केन्द्र सोलन की उपनिदेशक ईरा प्रभात ने दी। ईरा प्रभात ने कहा कि भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘सबका साथ-सबका विकास’ निर्धारित किया गया है। इस प्रतियोगिता में 18 से 29 वर्ष आयुवर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का प्रथम चरण खण्ड स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला के पांचों विकास खण्डों से चुनकर आए पहले तीन विजेताओं को जिला स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। जिला स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के लिए 5000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार के लिए 2000 रुपए तथा तृतीय पुरस्कार के लिए 1000 रुपए की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। जिला स्तर पर प्रथम स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के लिए 25000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार के लिए 10000 रुपए तथा तृतीय पुरस्कार के लिए 5000 रुपए की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। ईरा प्रभात ने कहा कि राज्य स्तर पर प्रथम रहने वाले प्रतिभागी को राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के लिए 2 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार के लिए 1 लाख रुपए तथा तृतीय पुरस्कार के लिए 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपए का सान्तवना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए नेहरू युवा केन्द्र सोलन के दूरभाष नम्बर 01792-220544, मोबाइल नम्बर 94188-18512, 94181-54303 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा सी-डीएसी मोहाल की माध्यम से सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तथा एमएसएमई टैक्नोलाॅजी सेंटर लुधियाना के माध्यम से कैपिटल गुड्स एंड सर्विसिज क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम आरम्भ किए जाएंगे। विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए 15 नवम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के जिला समन्वयक नरेन्द्र त्यागी ने दी। नरेन्द्र त्यागी ने कहा कि निगम द्वारा सी-डेक के माध्यम से एडवांस कोर्स ऑन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस यूजिंग पाइथन तथा एडवान्स कोर्स ऑन सीएडीडी इंजीनियरिंग कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। दोनों पाठ्यक्रम तीन-तीन माह की अवधि के हैं तथा दोनों पाठ्यक्रमों में 30-30 सीटें उपलब्ध हैं। एडवांस कोर्स ऑन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस यूजिंग पाइथन प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता बीई, बीटैक, एमएससी आईटी, बीएससी आईट, बीसीए, एमसीए उत्तीर्ण या अन्तिम वर्ष निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि एडवान्स कोर्स ऑन सीएडीडी इंजीनियरिंग के लिए अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता बीई, बीटैक, मैकेनिकल में 3 वर्षीय डिप्लोमा का अन्तिम वर्ष अथवा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। एमएसएमई टैक्नोलाॅजी सेंटर लुधियाना के माध्यम से ऑटोमेशन विद न्यूमेटिक यूजिंग पीएलसी तथा सीएनसी प्रोग्राम एण्ड मशीनिंग पाठ्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। दोनों पाठ्यक्रम दो-दो माह की अवधि के हैं तथा दोनों ही पाठ्यक्रमों में 25-25 सीटें उपलब्ध हैं। ऑटोमेशन विद न्यूमेटिक यूजिंग पीएलसी अनिवार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण या समकक्ष तथा न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित की गई है। सीएनसी प्रोग्राम एण्ड मशीनिंग पाठ्यक्रम के लिए अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता आईटीआई मेकेनिकल में डिप्लोमा निर्धारित की गई है। नरेन्द्र त्यागी ने कहा कि यह सभी पाठ्यक्रम हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा आयोजित हैं तथा चयनित उम्मीदवारांे से किसी भी प्रकार का प्रशिक्षण शुल्क नहीं लिया जाएगा। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए अभ्यर्थी का हिमाचल प्रदेश का स्थानीय निवासी होना आवश्यक है। अभ्यर्थी को पंजीकरण के लिए वेबसाईट www.hpkvn.in के नोटिफिकेशन अनुभाग पर जाकर आवेदन पत्र डाउनलोड कर भरकर ईमेल पते skill.application@hpkvn.org पर ईमेल करना होगा। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नम्बर 0177-2623383, 01792-221264 तथा मोबाइल नम्बर 70189-18595 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिला सोलन ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स यूनियन कार्यालय दाड़लाघाट में क्षेत्र के टैक्सी आपरेटर्स, ट्रक चालक व दाड़लाघाट की समस्त ट्रक आपरेटर्स यूनियनों व अम्बुजा प्रबंधन के सदस्यों को श्रम अधिकारी सोलन पृत्वी सिंह वर्मा ने ई-श्रम पोर्टल में पंजीकरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने असंगठित क्षेत्र में कार्य कर रहे कामगारों की सामाजिक सुरक्षा के तहत पोर्टल लांच किया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ ई-श्रम पोर्टल में पंजीकरण करने पर सभी कामगारों को मिलेगा। मनरेगा, प्रवासी कामगार, ट्रक चालक, क्लीनर, टैक्सी चालक आपरेटर्स, आटो रिक्शा चालक, रेहड़ी-फड़ी वाले, घरेलू कामगार, छोटे दुकानदार, दुकान में कार्य कर रहे कामगार, मछुआरे, आशा वर्कर्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आदि योजना के लिए पात्र हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि पंजीकरण उन कामगारों का होगा जिनका ईपीएफ व ईएसआई न कटता हो और वे आयकर न देता हो तथा आयु 18 से 59 वर्ष हो। ऐसे सभी लोग लोकमित्र केंद्र में निशुल्क योजना का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के दौरान आवेदक को आधार कार्ड दिखाना होगा। योजना के तहत दो लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। आपातकाल व राष्ट्रीय महामारी में ई-श्रम कार्ड धारक को हर संभव सहायता मिलेगी। यदि किसी की दुर्घटना में मृत्यु होती है तो दो लाख और आंशिक रूप से दिव्यांग हों तो एक लाख रुपये मिलेंगे। इस दौरान दाड़लाघाट में लगभग 80 लोगों ने ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करवाया है। इस अवसर पर श्रम अधिकारी सोलन पृत्वी सिंह वर्मा, लेबर इंस्पेक्टर सोलन संतराम वर्मा,मोहन चौहान,एसडीटीओ के प्रधान जय देव कौंडल, कोषाध्यक्ष राम कृष्ण बंसल, ऋषि देव शर्मा, एचआर प्रबंधक अम्बुजा अमन कंवर, सहायक प्रबंधक देवेन्द्र कुमार, चमन, व्यापार मंडल दाड़ला के उपप्रधान हेमराज, भरत गौतम, संजय ठाकुर, नरेश शर्मा सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश जलशक्ति विभाग अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष व पेंशन बहाली सँयुक्त मोर्चा हिमाचल प्रदेश के राज्यमहामंत्री एलडी चौहान ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि कर्मचारियों की 2003 से छीनी गयी उनके बुढ़ापे की लाठी पुरानी पेंशन को केंद्र व राज्य सरकार को बहाल करना ही पड़ेगा। एलड़ी चौहान ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर जयराम एक ईमानदार, साफ छवि व अच्छे व्यवहार वाले मुख्यमंत्री है और हर वर्ग की बेहतरी हेतु कार्य करते है। लेकिन अफसरशाही द्वारा जानबूझकर कर्मचारियों के मुद्दों को लटकाना व मुख्यमंत्री को गुमराह करना एक बहुत बड़ा कारण है, जिस कारण प्रदेश का कर्मचारी सरकार से खासा नाराज है। उन्होंने कहा कि पेंशन बहाली सँयुक्त मोर्चा मुख्यमंत्री का ध्यान चार साल पूर्व जारी किए गए दृष्टि पत्र की तरफ ले जाना चाहता है। जिसमे 4-9-14 वेतनवृद्धि पर फैंसला, पेंशन पर कमेटी का गठन करने की बात, पिछले वेतन आयोग में विसंगतियों को दूर करने जैसी बातें कही गयी थी। चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री समय रहते केंद्र की 2009 की अधिसूचना को प्रदेश में लागू करवाकर शीघ्र पुरानी पेंशन की बहाली हेतु कमेटी के माध्यम से कार्य प्रारंभ करें तथा प्रदेश के लगभग 80 हजार NPS कर्मियों हेतु पुरानी पेंशन को बहाल करवाकर इतिहास रचे।
राजकीय महाविद्यालय मटौर में सोमवार को ब्रजेश्वरी पत्रिका का लोकार्पण किया गया। मुख्य सम्पादक डॉ अतुल आचार्य द्वारा प्राचार्या शुभ्रा गुप्ता को ब्रजेश्वरी का तीसरा अंक सौंपा गया। प्राचार्या शुभ्रा गुप्ता ने अपने सम्बोधन में कहा कि पत्रिका विद्यार्थियों की सृजन शक्ति बढ़ाने का मंच प्रदान करती है। पत्रिका में विद्यार्थियों ने अपने मौलिक विचारों को लिख कर समाज का आईना प्रस्तुत किया है। विद्यार्थी जो कुछ समाज में देखता है अनुभव करता है वह सब उसकी रचना में झलकता है। इस मौके पर प्रो रजनी शर्मा, प्रो दिनेश जम्वाल, प्रो प्रवेश गिल, प्रो आशा शर्मा, प्रो मोहिंद्र कुमार उपस्थित रहे। प्राचार्या शुभ्रा गुप्ता ने पत्रिका के सभी विभागों के सम्पादकों को बधाई दी और कहा कि यह सब उनके कठिन परिश्रम का परिणाम है कि कोरोना काल में भी विद्यार्थियों से सम्पर्क साध कर रचनाओं को एकत्रित एवं संशोधित कर इनका मुद्रण करवाया।
थाना इन्दौरा के अन्तर्गत आने वाले गाँव मिलवां में स्टेट नारकोटिक्स सैल की टीम ने एक घर में दवदिश देकर एक महिला से भारी मात्रा में नशे की खेप हासिल की है। इस बारे में जानकारी देते हुए नारकोटिक्स सैल की टीम के मुख्य आरक्षी एवं जांच अधिकारी विपन शर्मा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली के मिलवां में एक महिला अपने घर मे नशे का कारोबार करती है। जिस पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरक्षी अर्जुन सिंह, आरक्षी संदीप व महिला आरक्षी लता देवी को साथ महिला के घर में दवदिश दी और सर्च अभियान चलाया। इस दौरान महिला के घर से 6.47 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। चिट्टे सहित पकड़ी गई महिला की पहचान शिमला देवी, पत्नी जनक राज निवासी मिलवां थाना इंदौरा के रूप में हुई है।
ग्राम पंचायत नवगांव के गांव डौंरु की जय मां जालपा सुधार समिति की बैठक समिति के उपप्रधान कृष्ण देव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में समिति के चुनाव करवाये गए। इस दौरान पुरानी कार्यकारिणी को भंग करके नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें प्रधान रवि कुमार गौतम, उपप्रधान सतीश गौतम, सचिव सुमन प्रकाश गौतम को चुना गया। वहीं संयुक्त सचिव दिनेश कुमार गौतम, कोषाध्यक्ष संजय कुमार गौतम और गगन कुमार गौतम को प्रेस सचिव का दायित्व सौंपा गया। जबकि कार्यकारिणी सदस्यों में जगदीश चंद,नीमचंद, कृष्णदेव, पंकज कुमार, चमन लाल को सदस्य के रूप में लिया गया। नवनियुक्त प्रधान रवि कुमार गौतम ने कहा कि समिति द्वारा विकास का हर कार्य किया जाएगा और लोगों की हर संभव सहायता की जाएगी। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों का उन्हें प्रधान का दायित्व सौंपने पर धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह सभी को साथ लेकर निष्ठा व मेहनत से कार्य करेंगे।
प्रदेश के राशनकार्ड उपभोक्ताओं को अब गूगल पे और क्यूआर कोड से सस्ता राशन मिलेगा। कोरोना के चलते सरकार ने यह व्यवस्था की है। इससे डिपो होल्डरों को सरकार के अकाउंट में पैसा जमा कराने का झंझट भी खत्म हो जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से 50 डिपो में चल रहे सफल प्रयोग के बाद अब सरकार ने सभी 5000 डिपुओं में इसे लागू करने का फैसला लिया है। बता दें कि प्रदेश में 19 लाख राशनकार्ड धारक परिवार हैं। प्रदेश सरकार की ओर से सब्सिडी पर तीन दालें, दो लीटर तेल, नमक, 500 ग्राम प्रति व्यक्ति चीनी शामिल है। आटा और चावल केंद्र सरकार सब्सिडी पर उपलब्ध कराती है। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले सचिव सी पालरासू ने बताया कि डिपुओं को क्यूआर कोड जारी करने के आदेश कर दिए हैं। डिपुओं में अभी पहले की तरह कैश पर भी राशन मिलता रहेगा। आने वाले समय में इसे बंद किया जा सकेगा।
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक आज यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल को प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 10 से 15 दिसम्बर तक जिला कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित करने की सिफारिश करने का निर्णय लिया। इसमें पांच बैठकें होंगी। बैठक में तीसरी से 7वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूल 10 नवम्बर से और पहली और दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए इस वर्ष 15 नवम्बर से खोलने का निर्णय लिया गया। बैठक में परिवहन बसों का परिचालन पहले के 50 प्रतिशत मानदण्ड के बजाय पूरी क्षमता के साथ करने का निर्णय भी लिया गया। मंत्रिमण्डल ने राज्य के विभिन्न भागों में 21 नवम्बर से जनमंच आयोजित करने का भी निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने भारतीय जनता पार्टी के स्वर्णिम दृष्टिपत्र के कार्यान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा की, जिसे वर्तमान राज्य सरकार ने नीति दस्तावेज के रूप में अपनाया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस सम्बन्ध में विस्तृत प्रस्तुति दी। मंत्रिमण्डल ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया, जिसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला और क्लस्टर विश्वविद्यालय मण्डी के कुलपतियों तथा सचिव शिक्षा को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, ताकि मण्डी में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित करने की रूपरेख तय करने पर कार्य किया जा सके।मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश राजकीय दन्त महाविद्यालय शिमला के पीजी-एमडीएस विद्यार्थियों की छात्रवृति 1 अपै्रल, 2021 से 5000 रुपये प्रतिमाह बढ़ाने की मंजूरी दी। अब प्रथम वर्ष के एमडीएस विद्यार्थियों को 35 हजार रुपये के स्थान पर 40 हजार रुपये, द्वितीय वर्ष की विद्यार्थियों को 40 हजार रुपये के स्थान पर 45 हजार रुपये और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को 45 हजार रुपये के स्थान पर 50 हजार रुपये प्रति माह मिलेंगे। मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश कृषि और बागवानी उत्पाद विपणन (विकास व विनियमन) अधिनियम 2005 की वर्तमान अनुसूची में अधिक मदों को शामिल करने को मंजूरी प्रदान की ताकि प्रदेश में कृषक समुदाय के हित में विविध कृषि और सम्बद्ध क्षेत्र में संभावित विकास हो सके। इससे पहले अधिनियम की मौजूदा सूची में 131 वस्तुएं शामिल की गई थीं। अब इसमें अनाज, दालें, तिलहन, फल, सब्जियों के रेशे, पशुपालन उत्पाद एवं पशुधन, मसाले, औषधीय और सुगन्धित पौधों की प्रजाजियां फूल, गमलों में लगे पौधों और उनके बीज और अन्य उत्पादों सहित 259 वस्तुएं शामिल की गई हैं। मंत्रिमण्डल ने जिला मण्डी में राजकीय माध्यमिक पाठशाला चेत को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने और इसके सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश सचिवालय के सामान्य प्रशासन विभाग में सेकंडमेंट आधार पर चालकों के 10 पद भरने का निर्णय लिया। इस अवसर पर राज्य में कोविड-19 स्थिति और कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों के सम्बंध में एक प्रस्तुति भी दी गई। मंत्रिमण्डल ने इसके द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा भी की।
चेतन बरागटा ने एचपीएमसी से मंडी मध्यस्था योजना के तहत ख़रीदे जाने वाले सेब की ख़रीद को 15 नवम्बर तक बढ़ाने की मांग की है। बरागटा ने कहा कि अभी भी ऊंचाई वाले क्षेत्रो में सेब सीज़न चला हुआ है। जिस कारण इस खरीद को जारी रखना अनिवार्य है। इस वर्ष भारी ओलावृष्टि और बेमौसमी बर्फ़बारी से सेब को भारी नुक़सान हुआ है। बाग़वानों को अधिकतर सेब MIS के तहत सरकार को बेचना पड़ रहा है और नक़दी का भुगतान ना होने से बाग़वान पर आर्थिक संकट गहरा सकता है। बरागटा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की है कि एचपीएमसी 15 नवम्बर तक मंडी मध्यस्था योजना के तहत सेब ख़रीद जारी रखे और बाग़वानों की आर्थिक परिस्थितियों को मध्यनजर रखते हुए इस वर्ष मंडी मध्यस्था योजना के तहत ख़रीदे गए सेब की राशि का नगद भुगतान करे ताकि बागवान को आगामी वर्ष के ख़र्चे उठाने में कोई परेशानी न हो।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते चुधरेड गाँव में पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति की गाड़ी HP 36E 5999 में से 12 बोतल देसी शराब बरामद की है। वहीं पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरु कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस थाना देहरा में उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ़्तीष कर रही है।
हिमाचल प्रदेश भरतीय मजदूर संघ के प्रदेश सचिव ने प्रेस को जारी बयान में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड मैनजमेंट वर्ग पर गत 2 माह पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा बोर्ड में कार्यरत हजारों जूनियर टी मेट व जूनियर हेल्पर के पदोन्नति समय सीमा 5 वर्ष से घटाकर 3 वर्ष करने को घोषणा की थी। जिसके आदेश करने व इसे अमलीजामा पहनाने में पूरी तरह ढील बरत रहा है, जोकि एक निंदनीय विषय है। प्रदेश सचिव ने कहा कि इस अधिसूचना के जारी न होने से जिन कर्मचारियों को नियमित जूनियर टी मेट के रूप में 3 वर्ष पूरे कर चुके है। उन्हें हर माह नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह के अधिकारी सरकार की छवि खराब करते है व नुकसान सरकार को भुगतना पड़ता है। प्रदेश सचिव ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आग्रह किया है कि इस मामले में हस्तक्षेप करें व जल्द से जल्द आदेश जारी करने को कहें। जिला मंत्री शिमला ने भी प्रेस को जारी बयान में कहा है कि इस तरह के मामलों व हर वर्ग की मांगो पर उचित कार्रवाई न होने पर मजदूर व कर्मचारी वर्ग में भारी रोष है। जिसके लिए प्रदेश कार्यसमिति के निर्णयों के आधार पर प्रदेश के कर्मचारी व मजदूर 29 नवम्बर को शिमला में एकत्रित होंगे व प्रदर्शन करेंगे।
सात दिन के फेस्टिव ब्रेक के बाद सोमवार को फिर से बच्चों की रेगुलर कक्षाएं शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक होनी है। जिसमे छोटी कक्षाओं को खोलने पर फैसला लिया जाना है। अभी भी प्रदेश में कोरोना मामलें सामने आ रहे है। ऐसे में अब दोबारा रेगुलर कक्षाएं कब तक जारी रहेंगी और छोटी कक्षाओं के बच्चों को स्कूल बुलाया जाएगा या नहीं, इस पर राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में फैसला लिया जाना है। शिक्षा विभाग इस पक्ष में है कि बच्चों की रेगुलर कक्षाएं चलती रहनी चाहिए, ताकि उन्हें परीक्षाओं की तैयारियों का समय मिल सके। शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए प्रदेश सरकार को फीडबैक भी दिया गया है। इसमें कहा गया है कि स्कूलों में कोविड नियमों का और सख्ती से पालन किया जाएगा। ऐसे में स्कूलों में बच्चों की रेगुलर कक्षाएं जारी रखने पर सरकार बड़ा फैसला ले सकती है। इसके साथ ही प्रदेश के स्कूलों में नौवीं से 12वीं की टर्म वन की परीक्षाएं भी 16 नवंबर से होनी हैं।


















































