मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 5 नवंबर को ज्वालामुखी में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। इसके बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा और महासचिव एडवोकेट अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि प्रधानमंत्री 5 नवंबर को केदारनाथ में श्री आदि शंकराचार्य की मूर्ति का अनावरण करेंगे और पूरे देश में वर्चुअल माध्यम से लोगों से जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि आदि शंकराचार्य ने अपने जीवन में जहां-जहां भ्रमण किया है, उन सभी स्थानों पर प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। इसी तरह से ज्वालामुखी में भी यह स्थान चिन्हित किया गया है जहां आदि शंकराचार्य कभी पधारे थे। यहां पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद किशन कपूर, स्थानीय विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन ज्वालामुखी मंदिर के नजदीक ही किया जायगा। इस संदर्भ में स्थानीय विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने कहा कि ज्वालामुखी क्षेत्र की जनता के लिए यह बड़े सौभाग्य की बात है कि इतने बड़े आदि शंकराचार्य कभी यहां देवभूमि ज्वालामुखी में पधारे होंगे और आदि शक्ति मां ज्वालामुखी के उन्होंने दर्शन किए होंगे।
पूर्व मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जीएस बाली के आकस्मिक निधन पर ठाकुर सुरेंद्र सिंह मकोटिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा पूर्व मंत्री जीएस बाली आम जनता का दुख दर्द समझते थे तथा उनके द्वारा हिमाचल हित के लिए किया गया कार्य भुलाया नहीं जा सकता। नगरोटा निर्वाचन क्षेत्र से वे चार बार विधायक रहे। दो बार हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री रहे। प्रदेश के विकास में उनका अत्यधिक महत्वपूर्ण योगदान रहा है। परिवहन मंत्री के रूप में उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ते हुए प्रदेश में बसों का बेड़ा खड़ा किया है।उन्होंने कहा कांग्रेस कमेटी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वह दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने करने की शक्ति दे।
विद्युत उपमण्डल शांतला के सहायक अभियंता होशियार सिंह धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 2 नवबंर को भरोली जदीद स्थित 33/11 केवी उपकेंद्र में सीटीपीटी यूनिट में कुछ तकनीकी कार्य के दृष्टिगत ग्राम पंचायत भरोली जदीद, कटोह टिक्कर, दोदूँ ब्रह्मणा, कौलापुर, पीरसलूही, शांतला, अलोह पूननी, गुडारा चपलाह, सरड डोगरी, कुडना, चौली, रक्कड़, कूहना के विद्युत उपभोक्ताओं की आपूर्ति सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे तक बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि उक्त रोज मौसम खराब रहने की सूरत में यह कार्य अगले दिन 3 नवंबर को सम्पन्न करवाया जाएगा। उन्होंने समस्त विद्युत् उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
पांवटा साहिब खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ. अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए 2 नवम्बर को 15 स्थानों पर कॉविड -19 टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 नवम्बर को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, ईएसआई. मालवा कोटन, डेंटल कॉलेज पांवटा साहिब, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखूवाला, उपस्वास्थ्य केन्द्र बहराल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाखणा, उपस्वास्थ्य केंद्र टारु भैला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सतोन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगानी, उपस्वास्थ्य केन्द्र अजोली एम डब्ल्यू, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियों, उप स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर इन सभी स्थानों पर कॉविड -19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ.अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील भी की।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी पालरासु ने बताया कि मंडी संसदीय चुनाव क्षेत्र और फतेहपुर, जुब्बल-कोटखाई व अर्की विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुए उप-निर्वाचन की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना का कार्य 2 नवंबर को प्रातः 8 बजे से आरंभ किया जाएगा। सभी उप-निर्वाचन के मतों की गणना संबंधित केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच की जाएगी। मतगणना केंद्र में निर्वाचन अधिकारी की टेबल के अतिरिक्त अन्य प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सहायक और एक मतगणना निरीक्षक (सुपरवाइजर) तैनात किया जाएगा। सी.पालरासु ने कहा कि मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के लिए 11 मतगणना पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जबकि फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए तीनों सामान्य पर्यवेक्षकों को ही मतगणना पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक-एक माइक्रो ऑब्ज़र्वर की भी तैनाती की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के डाक मतपत्रों व ईटीपीबीएस मतों की गिनती पूर्ण करने के लिए अलग से दो केंद्र स्थापित किए गए हैं। फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्रों में डाक मतपत्रों व ईटीपीबीएस मतों की गिनती के लिए भी एक-एक केंद्र अलग से स्थापित किया गया है। ऐसे में ईवीएम तथा डाक मतपत्रों के माध्यम से पड़े मतों की गिनती एक ही समय में प्रारंभ हो सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना में मतगणना का परिणाम घोषित होने के उपरांत विजेता प्रत्याशी अथवा उनके समर्थकों द्वारा विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा रिटर्निंग ऑफिसर से निर्वाचित होने संबंधी प्रमाण-पत्र लेते समय विजेता प्रत्याशी अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधि के साथ दो से अधिक लोगों को आने की अनुमति नहीं होगी।
दीवाली त्यौहार के दौरान आगजनी व किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए राजगढ़ शहर में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। यह जानकारी उपमण्डलाधिकारी राजगढ़ सुरेन्द्र मोहन ने दी। उन्होंने बताया कि दीवाली पर्व के दौरान राजगढ़ शहर में पटाखों की बिक्री के लिए नेहरू ग्राउंड व स्टेट बैंक के सामने दो स्थान चयनित किए गए हैं। नगर पंचायत राजगढ़ द्वारा पटाखों की बिक्री के लिए 2 से 4 नवम्बर, तक अस्थाई स्टॉल उपलब्ध करवाया जाएगा, जिसके लिए पटाखे विक्रेता सचिव नगर पंचायत राजगढ़ अजय गर्ग से सम्पर्क कर सकते हैं। एसडीएम ने बताया कि निर्धारित स्थल पर आतिशबाजी व पटाखों को शैड में रखना होगा। जोकि गैर ज्वलनशीन सामग्री से इस तरह बना हो कि उसमें कोई गैर व्यक्ति प्रवेश न कर सके। बिक्री शैडों का आपसी फासला तीन मीटर होना जरूरी होगा। शैड के अन्दर कोई गैस का लैंप अथवा नंगी लाईट न हो। शैड में बिजली का बल्ब लगाने के लिए फलेक्सीबल तार का प्रयोग नहीं करना होगा। बिक्री स्थल से 50 मीटर की दूरी से बाहर आतिशबाजी व पटाखे चलाने की अनुमति होगी। एसडीएम ने बताया कि चयनित किए गए स्थानों के अलावा खुलेे में आतिशबाजी व पटाखों के बेचने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि पटाखों के प्रयोग पर रात्रि 10 बजे से प्रातः 06 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। साइलैंस ज़ोन के तहत आने वाले अस्पताल, स्कूल, न्यायिक अदालत और धार्मिक स्थल से एक सौ मीटर की दूरी तक पटाखे और आतिशबाजियों के चलाने पर पाबन्दी रहेगी।
जिला किन्नौर के रिस्पा झूला के समीप दोपहर के समय ट्रेक्टर व मोटरसाइकिल में हुई टक्कर में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरे व्यक्ति को गम्भीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही मूरंग थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी स्किबा लाया गया। वही मृतक का शव भी पुलिस द्वारा कब्जे में लेकर पीएचसी स्किबा लाया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्ति बिहार के बताए जा रहे हैं।
सोमवार को इलेक्ट्रिक सिस्टम डिवीजन सोलन के अधीन उपमंडल 132/केवी सब स्टेशन में 132/33केवी, 50/63 एमवीए पावर ट्रांसफाफार्मर को इंजीनियर गुरप्रीत सिंह एवम गौरव अधीर के निरीक्षण में सफलता पूर्वक सुचारु रुप से चला दिया गया। बोर्ड मैनेजमेंट में इस कार्य को समाप्त करने का लक्ष्य दिवाली तक दिया था। इंजीनियर गौरव अधीर के कुशल निरीक्षण एवं कड़ी मेहनत के फल स्वरुप इन्होंने दिवाली से पहले ही इस ट्रांसफार्मर को सुचारू रूप से चला दिया। इंजीनियर गौरव अधीर ने कहा कि इस कार्य को पूर्ण करने के लिए समस्त तकनीकी टीम बधाई की पात्र हैं। उन्होंने बताया यह विद्युत बोर्ड एवं जिला सोलन के लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस ट्रांसफार्मर के लगने से सोलन शहर आने वाले 15 से 20 सालों के लिए बिजली की समस्याओं से निजात पाएगा।
हिमाचल प्रदेश नशा निवारण बोर्ड के सलाहकार एवं संयोजक ओम प्रकाश शर्मा ने कहा है कि नशे के प्रकोप पर अंकुश लगाने के लिए राज्य मादक द्रव्य नीति तैयार की जा चुकी है। इसे शीघ्र जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाला यह बोर्ड समस्या से निपटने के बहुआयामी तरीकों को अपनाएगा। नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान 20 नवंबर के बाद शुरू किया जाएगा। उमंग फाउंडेशन के ट्रस्टी संजीव शर्मा के अनुसार आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में फाउंडेशन द्वारा मानवाधिकार जागरूकता पर साप्ताहिक वेबिनार में विख्यात विशेषज्ञ ओमप्रकाश शर्मा ने यह जानकारी दी। वह "नशे का प्रकोप, मानवाधिकार उल्लंघन और समाधान" विषय पर व्याख्यान में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नशा करने वालों को अपराधी की बजाए पीड़ित माना जाना चाहिए। इससे पूर्व उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष और राज्य मेंटल हेल्थ अथॉरिटी के सदस्य प्रो. अजय श्रीवास्तव ने बताया कि नशे और मानवाधिकार उल्लंघन के बीच बहुत गहरा संबंध है। उन्होंने अंतर्रष्ट्रीय और राष्ट्रीय परिस्थितियों के संदर्भ में कहा कि जहां ड्रग्स होंगी, वहां मानवाधिकार उल्लंघन होना स्वभाविक है। ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता वाले नशा निवारण बोर्ड ने राज्य की समेकित मादक द्रव्य निवारण नीति तैयार कर दी है। इसे शीघ्र ही जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में तैयार किए गए नीति दस्तावेज में नशे की बुराई से निपटने के लिए बहुआयामी रणनीति का विस्तृत विवरण है।
जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह के प्रधानाचार्य दुष्यंत कुमार सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में सत्र 2022-23 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर है। उन्होंने मंडी जिले में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के माता-पिता, अभिभावकों व सम्बन्धित राजकीय प्राथमिक पाठशाला के मुख्याध्यापकों से आग्रह किया कि जिनके बच्चे वर्ष 2021-22 में जिला मंडी में किसी भी सरकारी या मान्यता प्राप्त गैर सरकारी विद्यालय में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत हैं, वे जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में सत्र 2022-23 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू होने से पहले प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। पार्टी हाईकमान ने दो महासचिव, आठ सचिव, एक मीडिया पैनलिस्ट और एक को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया है। इसमें शशि शर्मा और भुवनेश्वर गौड़ को महासचिव बनाया गया है। इसी तरह दयाल प्यारी, देवेंद्र भुट्टो, राजेंद्र शर्मा, धर्मपाल चौहान, राजेश कुमार, राकेश नेगी, भूपेंद्र डोगरा और बोधराज भारद्वाज को सचिव बनाया गया है। इसी के साथ अजय सिंह को मीडिया पैनलिस्ट में जगह दी गई है। ज्ञान चंद बढालिया को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है। दो साल पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश कार्यकारिणी गठित की थी। इसमें 19 उपाध्यक्ष, 19 महासचिव और 69 सचिव बनाए गए हैं। इसके अलावा राज्य कार्यकारिणी में 44 सदस्यों को शामिल किया गया है। दो सालों के भीतर कुछ और नियुक्तियां की गई हैं। उपचुनाव से पहले ही कांग्रेस पार्टी मीडिया विभाग, मीडिया पैनलिस्ट की नियुक्तियां की गई थी। पार्टी का कहना है कि हर क्षेत्र को संगठन में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। इसलिए नई नियुक्तियां की गई हैं। कार्यकारिणी में इस तरह से विस्तार कर कांग्रेस पार्टी अपनी पकड़ को और भी मजबूत करना चाहती हैं।
राजधानी में चोर सक्रिय हैं और आए दिन शहर में चोरी के मामले सामने आने लगे है। हालांकि पुलिस भी मामलों को सुलझाने में लगी हुई है व आरोपियों को पकड़ भी रही है। वंही राजधानी में चोरी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें एक घर से सोने के गहने चोरी हुए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तारा हाल के समीप रहने वाले रमेश कुमार ने सदर पुलिस थाना में शिकायत की है कि वह और उनका परिवार घर पर नही था। तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का ताला तोड़ कर घर से सोने के आभूषण जिसकी कीमत 1,80,000 के करीब है व 20,000 की नगदी चोरी कर ली है। शिकायत में बताया गया कि घर का सामान भी इधर, उधर बिखरा पड़ा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि त्योहारों का सीजन चल रहा हैं, ऐसे में लोग बाजारों में खरीदारी करते है। इसे पहले भी बीते महीने जाखू में लाखों की चोरी का मामला सामने आया था। डीएसपी कमल वर्मा ने मामले कि पुष्टि की हैं।
उप चुनाव के शोर के बीच जोगिंदरनगर की दराहल पंचायत की दो महीने की बच्ची अपने पिता के लिए इंसाफ़ माँग रही है। समाज से सवाल कर रही है कि आख़िर क्यों उसके सिर से पिता का साया उठ गया। कब उसके पिता के हत्यारों को सज़ा मिलेगी। आरोप है कि जोगिंद्रनगर की दराहल पंचायत के दरकोटी, कूडणू त्रेम्बलू गांव में एक शादी समारोह के दौरान बहसबाज़ी हुई थी, जिसके बाद आरोपियों ने इस बच्ची के पिता दिनेश को मार डाला और घर का इकलौता चिराग बुझ गया। अब इस हत्याकांड में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ़्तार किया है। इन आरोपियों में जोगिंदरनगर की द्रहाल पंचायत के दरकोटी गांव के रमन ठाकुर उर्फ़ लब्बू, पंकज ठाकुर उर्फ़ अब्बू, विनोद कुमार और कुडनू गांव के गोपाल चंद सकलानी उर्फ़ गोपी शामिल हैं। फ़िलहाल इन सभी आरोपियों को 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। इस गिरफ़्तारी के बावजूद इलाक़े के लोग ग़मगीन होने के साथ ही ग़ुस्से में भी हैं। दिनेश उर्फ़ पंकू का परिवार इंसाफ़ मांग रहा है। दिनेश के परिवारजनों की मांग है कि जितने भी लोग इस हत्याकांड में शामिल थे, उन सभी उपद्रवियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। हालांकि अब परिवार के सामने मुश्किल ये भी है कि इस हत्याकांड के गवाह यानि दिनेश के कुछ दोस्त अब सामने नहीं आ रहे हैं। वो गवाही देने में संकोच कर रहे हैं। ऐसे में सवाल यही है कि क्या दिनेश को पूरा इंसाफ़ मिल पाएगा। किसी के घर के बेटे को मार कर नाले में फेंक दिया जाए, तो उस परिवार को कैसे चैन से नींद आएगी। लिहाजा परिवार गवाहों से सामने आने की गुहार लगा रहा है, ताकि दिनेश के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले। दिनेश की मौत के बाद परिवार वालो का बुरा हाल है। दिनेश की हाल ही में शादी हुई थी और उनकी दो महीने की बेटी है। अभी जिस मासूम बच्ची ने दो महीने पहले ही दुनिया में क़दम रखा, उसके सिर से पिता का साया उठ चुका है।
सोमवार सुबह राजधानी शिमला के उपनगर संजौली में एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। जैसे ही लोगों ने ट्रांसफार्मर में आग लगती देखी तो तुरंत इस संबंध में अग्निशमन विभाग को सूचित किया। अग्निशमन विभाग ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और आग को आगे बढ़ने से रोक दिया। वहीं, इस दौरान मौके पर लोगों में हड़कंप मच गया। शार्ट सर्किट के चलते आसपास के इलाकों की बिजली भी गुल हो गई, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्टेशन फायर अधिकारी टेक चंद चौहान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि समय पर आग पर काबू पा लिया गया है, जिससे कोई नुकसान की घटना सामने नहीं आई है।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से रन फाॅर यूनिटी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। ऐतिहासिक रिज मैदान से आरम्भ की गई रन फाॅर यूनिटी दौड़ में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया जिसमें खिलाड़ी, खेल प्रेमी, पुलिस बल के कर्मी, विद्यार्थी तथा अन्य शामिल थे। हिमाचल प्रदेश स्टेट रेडक्राॅस सोसायटी तथा जिला शिमला प्रशासन द्वारा आयोजित इस दौड़ का समापन द माॅल तथा छोटा शिमला से होते हुए पुनः रिज मैदान पर हुआ।राज्यपाल के सचिव प्रियतु मण्डल, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी और पुलिस अधीक्षक डाॅ.मोनिका भुटुंगरू भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि मंडी में राष्ट्रीय एकता एवं संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई। उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता व अखंडता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए सत्यनिष्ठा से समर्पित रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय सभागार में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी व सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्रों पर माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी राजीव कुमार, सहायक आयुक्त संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंडी लोकसभा उपचुनाव में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के बाद अब प्रशासन ने मतगणना को लेकर समस्त प्रबन्ध मुकम्मल कर लिए हैं। निर्वाचन अधिकारी अरिंदम चौधरी ने कहा कि 2 नवम्बर को मतगणना के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। संपूर्ण 17 विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान के उपरान्त सभी ईवीएम मशीनें सील करके कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग कक्षों में सुरक्षित रखी गई हैं। पुख्ता इंतजाम करते हुए ईवीएम की बहुस्तरीय सुरक्षा तय की गई है। केन्द्रीय सुरक्षा बल, राज्य आर्म्ड फोर्स तथा स्थानीय पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी के माध्यम से भी कड़ी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान केवल अधिकृत लोगों को ही मतगणना स्थल के अंदर जाने की अनुमति होगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी। मतगणना केंद्र के समीप मीडियाकेंद्र भी स्थापित किया ही। अरिंदम चौधरी ने बताया कि 2 नवम्बर को मतगणना का कार्य मंडी, सुंदरनगर, जोगिन्द्रनगर, कुल्लू, रामपुर, रिकांगपिओ तथा भरमौर में किया जाएगा। मतगणना सुबह 8 बजे शुरु होगी। मंडी जिला में तीन स्थानों पर मतगणना की जाएगी। इसमें जिला मुख्यालय पर आईटीआई और वल्लभ पीजी कॉलेज के अलावा सुंदरनगर व जोगिंदर नगर में मतगणना की जाएगी। आईटीआई मंडी में पोस्टल बैलेट और बल्ह विधानसभा क्षेत्र जबकि वल्लभ राजकीय पीजी कॉलेज मंडी के नए भवन में विधानसभा क्षेत्र सदर व सराज के मतों की गिनती की जाएगी। इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र करसोग, सुंदरनगर, नाचन और सरकाघाट के वोटों की गिनती जवाहरलाल इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर में जबकि राजीव गांधी राजकीय डिग्री कॉलेज जोगिंद्रनगर में दं्रग और जोगिन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती की जाएगी। इसके अलावा राजकीय बहुतकनीकी संस्थान चम्बा स्थित सरोल में भरमौर विधानसभा क्षेत्र, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग के परीक्षा हॉल में विधानसभा क्षेत्र लाहौल-स्पीति, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में मनाली, कुल्लू, आनी तथा बंजार विधानसभा क्षेत्र जबकि राजकीय महाविद्यालय रामपुर में रामपुर विधानसभा क्षेत्र तथा बचत भवन रिकांगपिओ में किन्नौर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना की जाएगी। बता दें कि मंडी लोकसभा उपचुनाव के लिए 30 अक्तूबर को हुई वोटिंग में 57.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सबसे अधिक मतदान सराज में 70.34 प्रतिशत जबकि सबसे कम सरकाघाट में 46.72 प्रतिशत रहा।
भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला शिमला हिमाचल प्रदेश द्वारा आज़ादी का अमृत महोत्सव' के उपलक्ष्य पर 'देशभक्ति एवम राष्ट्रीय एकता' थीम पर आधारित राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन गेयटी सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल अकादमी के सचिव डॉ. कर्म सिंह ने की। इस अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में डॉ सरोज भारद्वाज, कल्पना गांगटा, दीप्ति सारस्वत, पंकज, हर्ष, निशा चौहान, देशराज, विकास शर्मा, नवनीता, सुनीता ठाकुर, डॉ.ओपी शर्मा, दक्षा शर्मा, हितेंद्र शर्मा, शिवानी पांडे और आत्मा रंजन ने अपनी रचनापाठ से देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का सुन्दर संदेश दिया। कार्यक्रम के संयोजक जिला भाषा अधिकारी शिमला अनिल हारटा द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम के समापन में उन्होने सभी प्रतिभागी साहित्यकारों का धन्यवाद किया।
सिरमौर के 25 युवाओं ने पर्यटन विभाग द्वारा प्रायोजित 5 दिवसीय टूरिस्ट गाइड ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी की। यह जानकारी सहायक पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि हिमकॉन शिमला के सौजन्य से जिला के चयनित 25 युवाओं के समूह के लिए 26 से 30 अक्तूबर तक इस ट्रेनिंग का आयोजन जिला पर्यटन विकास कार्यालय नाहन में किया गया। ट्रेनिंग का उद्देश्य युवाओं में पर्यटन गतिविधियों को स्वरोजगार एवं व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना था। ट्रेनिंग के दौरान युवाओं को टूरिस्ट गाइड एवं पर्यटन व्यवसाय के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। राजीव मिश्रा ने बताया कि ट्रेनिंग में सीता वर्ल्ड ट्रेवल्स के अनुभवी प्रोफेशनल ने इस व्यवसाय की बारीकियां समझाई। इसके अतिरिक्त, हिमकॉन, पर्यटन विभाग, अग्नि शमन, चिकित्सा, उच्च शिक्षा विभागों द्वारा पर्यटन से जुड़ी सरकार कि विभिन्न योजनाओं, कानूनों, प्राथमिक चिकित्सा के अलावा क्या करे और क्या न करें के बारे में बताया गया। इस अवसर पर ट्रेनिंग के सभी प्रतिभागियों को वजीफा और प्रमाण पत्र भी दिए गए।
कृषि विभाग राजगढ़ आत्मा परियोजना द्वारा सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती के तहत किसान गोष्ठी का आयोजन राजगढ विकास खंड के भूईरा मे किया गया। इसमें आत्मा परियोजना के अधिकारी एटीएम अरुण कुमार द्वारा इस योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। इस गोष्ठी में भूईरा के लगभग 50 स्थानीय किसानों ने भाग लेकर इस गोष्ठी का लाभ उठाया। विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों द्वारा यहां पर उपस्थित सभी किसानों को सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस विधी से खेती करने वाले किसान को किसी भी प्रकार की खाद व कीटनाशक रसायन खरीदने की जरूरत नही पड़ती है। किसानों को प्राकृतिक खेती में देसी गाय के गोबर व गौमूत्र से बनने वाले जीवामृत, बिजामृत, ब्रह्मास्त्र, दश्पर्णी अर्क, कडू अस्त्र, सप्तधान्य अंकुर अर्क आदी के बारे में जानकारी दी गई।
राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। स्थानीय एनसीसी इकाई के सहयोग से वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवियों व एनसीसी कैडेट्स के साथ-साथ महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्साह पूर्वक भाग लिया। डॉ रमेश कुमार मीडिया प्रभारी राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ ने बताया कि कार्यक्रम में देश के प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी व प्रथम उपप्रधानमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवी श्वेता ठाकुर द्वारा मुख्य अतिथि, शिक्षक व गैर शिक्षक वर्ग तथा सभी प्रतिभागियों के स्वागत के साथ की गई। तत्पशात अम्बिका ठाकुर, रुचि शर्मा व श्रमिका ठाकुर द्वारा संक्षिप्त वार्ताओं के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन व स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ जगदीप वर्मा ने मुख्य अतिथि व सभी प्रतिभागियों के सम्मान में धन्यवाद प्रस्ताव रखा।
हिमाचल प्रदेश एक्स सर्विसमैन लीग कुनिहार यूनिट की विशेष बैठक यूनिट अध्यक्ष कैप्टन रणधीर सिंह की अध्यक्षता में कुनिहार में आयोजित हुई। बैठक में लगभग 50 भूतपूर्वक सैनिक व वीर नारियों ने भाग लिया। कैप्टन रणधीर सिंह ने बैठक में उपस्थित लोगों को सैनिकों के लिए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।बैठक में सभी की समस्याओं को सुनकर उस पर चर्चा व विचार विमर्श कर उनके समाधान के लिए उच्च स्तर पर भेजने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में वरिष्ठ पेंशनर कैप्टन पीडी पाल ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान कैप्टन प्रभु राम, रमेश अरोड़ा, लेख राम सहित कई पूर्व सैनिक व वीर नारियां मौजूद रही।
पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फ़बारी के चलते मनाली-लेह मार्ग में यातायात सामान्य नहीं हो पाया है। सुबह के समय सड़क पर पाला जमने से वाहनों के फिसलने का खतरा है। ऐसे में बीआरओ और पुलिस प्रशासन ने लेह की तरफ जाने वाले वाहन चालकों से एहतियात बरतने की अपील की। मनाली-लेह मार्ग में दारचा से लेह तक फिलहाल वन वे ट्रैफिक के लिए खोला गया है। रविवार को लेह से मनाली की तरफ वाहनों को भेजा गया। शनिवार को दारचा से लेह की तरफ 76 वाहनों को छोड़ा जाएगा था। जिनमें 136 यात्री सरचू पार कर लेह पहुंचे थे। सड़क के दोनों ओर बर्फ होने के चलते इसे फिलहाल एकतरफा खोला गया है। दोनों तरफ से ट्रैफिक खोलने पर बर्फ के बीच मुश्किलें आ सकती हैं। हालांकि बर्फबारी के कारण कुंजुम दर्रा के पास एनएच-505 अभी भी अवरुद्ध है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज शिमला के प्रसिद्ध व्यवसायी कपिल महाशय के घर जा कर उनके परिवारजनों से मिले और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कपिल महाशय की माता रानी देवी सूद, पत्नी मीनाक्षी सूद, पुत्र विप्लव सूद, पुत्रवधु श्वेता सूद व बेटी विदुषी सूद से मिले और कपिल महाशय के आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कपिल महाशय एक व्यवसायी के साथ-साथ एक समाज सेवक भी थे, वह समाज के उत्थान के लिए निरन्तर कार्य करते रहे। कपिल महाशय ने विश्व हिंदू परिषद में कोषाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा दुःख की इस घड़ी में शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ मंत्री सुरेश भारद्वाज, चेयरमैन गणेश दत्त, प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, कोषाध्यक्ष संजय सूद, महापौर सत्या कौंडल, पार्षद किमी सूद, आरती चौहान, शिमला के आयुक्त आदित्य नेगी, नगर निगम के आयुक्त आशीष कोहली उपस्थित रहे।
दीवाली पर्व पर मिठाई का विशेष महत्व रहता है। बाजारों में हलवाई की दुकानों पर काफी भीड़ रहती है। लेकिन वंही लोगों को अच्छी मिठाई मिल नहीं पाती इसी को देखते हुए मिल्कफेड विभाग ने बाजार में दिवाली के समय शुद्ध घी से बनी मिठाई बनाई है। इस साल मिल्क फेड विभाग 500 क्विंटल मिठाई बनाएगा। पिछले साल मिल्कफेड ने 400 क्विंटल मिठाई बनाई थी। वंही इस बार 100 क्विंटल ज्यादा मिठाई बनाने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में मिल्कफेड विभाग के एमडी भूपेंद्र अत्री ने बताया कि मिल्कफेड विभाग प्रतिवर्ष दिवाली पर मिठाइयां बनाता है और बाजार में उतारता है। उन्होंने कहा कि इस साल 500 क्विंटल मिठाई बनाने का लक्ष्य है लोगों की मांग को देखते हुए इस बार 100 क्विंटल मिठाई अधिक बनाई जा रही है। लोगों को यह मिठाइयां आसानी से मिल सके इसके लिए सभी जिलों के बस अड्डे पर काउंटर रहेगा इसके अलावा विभिन्न जगह में भी काउंटर लगाया जाएगा उन्होंने कहा कि शिमला कांगड़ा और मंडी में विशेष गाड़ी में भी मिठाई भेजी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में त्योहारों में आतिशबाज़ी को लेकर समयसारिणी जारी कर दी गयी है। दीपावली नजदीक आने के साथ ही वायु और ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए सरकार ने निर्देश जारी कर दिए है। गुरु पर्व के दिन यानि 19 नवंबर को सुबह 4 से 5 और रात 9 से 10 बजे के बीच आतिशबाजी की जा सकेगी। क्रिसमस पर 25 दिसंबर की रात और नए साल पर 31 दिसंबर की रात 11:55 से 12:30 बजे के बीच ही पटाखे चलाए जा सकेंगे। इसके साथ ही निर्देश में ये भी किया गया है कि त्योहारों में केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति होगी।
राज्य कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने सरकार पर तीखी बयान बाज़ी की है। प्रेस को जारी बयान में विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश में उपचुनाव पूरा होते ही बीजेपी सरकार का डंडा तंत्र तुरंत आम आदमी पर चला है। अब राशन डिपू में राशन लेने के लिए सरकार ने फीस मुकर्र कर दी है। जिसका प्रति ट्रांजेक्शन शुल्क राशन लेने वालों को देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अब डिपुओं में दिए जाने वाले सस्ते राशन को एक साजिश के तहत और महंगा किया जाएगा। जबकि डिपुओं में मिलने वाला राशन अब करीब-करीब बाजार के दामों पर ही सरकार दे रही है और वंही डिपुओं में दिए जाने वाले राशन की क्वालिटी पहले ही सवालों के घेरे में है। घटिया तेल व घटिया दालें बाजारू भाव पर डिपुओं में सस्ते राशन के नाम पर गरीबों को दी जा रही है। लोकतंत्र में आसमान छूती महंगाई व बेखौफ भ्रष्टाचार के बोलबाले के बीच पहले ही सरकार ने आम आदमी का जीना दुश्वार कर रखा है। वंही उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में पेट्रोल व डीजल के नाम पर चली लूट में यह उत्पाद 24 रुपए प्रति लीटर तक महंगे किए गए हैं, जबकि त्यौहारों के इस महीने में डीजल और पेट्रोल में 6-6 रुपए का इजाफा किया गया है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के संपन्न होते ही अब सरकार ने अपनी लूट तंत्र को फिर से शुरू करने का अपना मंसूबा जाहिर कर दिया है। राणा ने कहा कि सरकार की यह लूट तब तक नहीं रूकेगी जब तक जनता बीजेपी के खिलाफ पूरी तरह खड़ी नहीं हो जाती है।
आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष पर जिला सिरमौर को सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे से मुक्त करने के लिए नेहरू युवा केन्द्र द्वारा 1 अक्तूबर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान कार्यक्रम का आज श्री गुरु गोबिंद सिंह राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में समापन हुआ। इस समापन समारोह की अध्यक्षता उपमंडल अधिकारी विवेक महाजन ने की। विवेक महाजन ने बताया कि इस स्वच्छ भारत अभियान के अर्न्तगत जिला सिरमौर में एक माह के स्वच्छता कार्यक्रम के दौरान 5680 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। यह अभियान जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया गया जिसमें नेहरू युवा केंद्र के अंतर्गत पंजीकृत 131 युवक मंडलों के लगभग 2900 से अधिक युवा इस स्वच्छ सिरमौर कार्यक्रम से जुड़े जिन्होंने घर द्वार से कूडा एक़ित्रत करने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक भी किया। उन्होंने सभी लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल ना करने की अपील करते हुए बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक में प्लास्टिक की थैलियां, प्लेट, ग्लास, चम्मच, बोतलें, स्ट्रॉ और थर्माकोल शामिल हैं जिन्हे एक बार इस्तेमाल के बाद फेंक दिया जाता है। इस प्लास्टिक में पाए जाने वाले रसायन पर्यावरण के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य के लिए काफी घातक हैं। विवेक महाजन ने बताया कि जिला में इस कार्यक्रम के अंतर्गत कूड़े के हॉटस्पॉट क्षेत्रों की सफाई के अतिरिक्त जिला के सभी पर्यटन स्थलों, शिक्षण संस्थानों, बस स्टैंड, राष्ट्रीय राजमार्ग, धार्मिक संस्थान, अस्पताल और जल संसाधनों के आसपास की सफाई भी की गई। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों, कूडा कचरा फैंके जाने वाली जगहों के आस-पास की दीवारों पर स्वच्छता सम्बन्धी नारा लेखन कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि सभी भविष्य में भी इस प्रकार के स्वच्छता अभियान से जुड़े तथा अपने आस-पास के क्षेत्र को कचरा मुक्त बनाने में अपनी भागिदारी सुनिश्चित करें।
राजकीय महाविद्यालय ज्वालाजी में स्किल इंडिया व कॉमर्स सोसाइटी के सौजन्य से दीपावली के विशेष अवसर पर सेफ दिवाली व ग्रीन दिवाली को ध्यान में रखते हुए रंगोली, पेंटिंग, नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग व दीप सजावट पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्किल इंडिया द्वारा प्रायोजित एड-ऑन कोर्स और महाविद्यालय के लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.सीमा शर्मा, प्रो.नीलम शर्मा, एड ऑन कोर्स अधिकारी डॉ.जसपाल राणा, प्रो.यश पाल व स्किल इंडिया इंस्ट्रक्टर पूजा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पुलिस चौकी पझौता को ठाकुर भोजनालय से अवैध रूप से रखी दो पेटी (24 बोतल ) देशी शराब पकडने मे सफलता मिली। पुलिस चौकी पझौता के प्रभारी अमित राजटा के अनुसार पुलिस को गुप्त सुचना मिली कि नेरीपूल सनोरा सडक पर कल्योपाब के नजदीक ठाकुर भोजनालय मे अवैध रूप से शराब बेचने का कार्य किया जा रहा हैं। पुलिस ने गुप्त सुचना के आधार पर ठाकुर भोजनालय पर छापा मारा और तलाशी के दौरान दो पेटी शराब बरामद कि। पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी छानबीन आरंभ कर दी है। मामले की पुष्टि उप पुलिस अधीक्षक भीष्म ठाकुर ने की है।
यशवंत नगर के पुलिस दल को 28 ग्राम चरस पकड़ने में सफलता मिली है। प्राप्त सूचना के अनुसार पुलिस दल सामान्य गश्त पर था, तो गुप्त सुचना मिली की भूईल गांव में एक व्यक्ति चरस बेचने का कार्य करता है और अगर इसी समय तलाशी ली जाये तो उसके घर से चरस मिल सकती है। पुलिस ने गुप्त सुचना के आधार पर उस व्यक्ति के घर में छापा मारा और गहन तलाशी के दौरान घर पर रखी एक हाथ की सिलाई मशीन के अंदर से 28 ग्राम चरस बरामद की। घर पर एक ही व्यक्ति मौजूद था। पुलिस ने घर पर मौजूद व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाही आरंभ कर दी है। मामले की पुष्टि उप पुलिस अधीक्षक भीष्म ठाकुर ने की है।
सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप निर्वाचन में आज दोपहर 1.00 बजे तक 39.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी कृतिका कुल्हारी ने दी। उन्होंने कहा कि आज दोपहर 1.00 बजे तक 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में कुल 36051 मतदातओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस समय अवधि तक अर्की विधानसभा क्षेत्र में 19094 पुरूष तथा 16957 महिला मतदाताओं ने मत डाला। इस समय तक मतदान करने वाले पुरूषों का मत प्रतिशत 41.08 तथा महिलाओं का मत प्रतिशत 37.35 प्रतिशत रहा। उन्होंने कहा कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में मतदान की प्रक्रिया शान्तिपूर्वक जारी है।
हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री जीएस बाली का शुक्रवार देर रात को निधन हो गया है। जीएस बाली 67 वर्ष के थे। पिछले कुछ समय से वह लगातार अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के एम्स में उपचाराधीन थे। वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे रघुवीर सिंह बाली ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उनके निधन की सूचना दी है। जीएस बाली का जन्म 27 जुलाई 1954 को हुआ था। वह नगरोटा बगवां से चार बार विधायक और दो बार मंत्री रहे। बाली 1990 से 1997 तक कांग्रेस के विचार मंच के संयोजक, सेवादल के अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव जैसे पदों पर रहे।1998 में पहली बार नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। 2003, 2007 और 2012 में यहां से लगातार जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे। 2003 और 2007 में वह मंत्री रहे। प्रदेश में हो रहे चार उपचुनाव में मंडी उपचुनाव में जीएस बाली को बतौर प्रभारी नियुक्त किया गया था, लेकिन उसके बाद से वह अस्वस्थ चल रहे थे। प्राप्त जानकारी अनुसार एम्स में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। शुक्रवार रात को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, इसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। शनिवार को उनकी पार्थिव देह कांगड़ा लाई जा रही है।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ.अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए 30 अक्तूबर को 15 स्थानों पर कोरोना वैक्सीन लगेगी। उन्होंने बताया कि 30 अक्तूबर को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, ईएसआई, मालवा कोटन, डेंटल कॉलेज पांवटा साहिब, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सतौन, उपस्वास्थ्य केंद्र हरिपुर खोल, उपस्वास्थ्य केंद्र नवादा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगानी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर भारापुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियों, उपस्वास्थ्य केंद्र कांडो भैला इन सभी स्थानों पर कोविड-19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ.अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील भी की।
गांव बगली का शुभम पुत्र प्रीतम चन्द के पैरामिल्ट्री में एसआई बनने पर इलाके भर मे जश्न का महौल है। पैरामिल्ट्री में एसआई बनने के बाद पहली बार अपने घर पहुंचे शुभम कुमार का लोगों ने भव्य स्वागत किया। कहा जा रहा है कि शुभम कुमार तीन भाई है,तीनो ही पैरामिल्ट्री में तैनात होकर देश की सेवा मे जुटे हुए है। बता दें कि शुभम वर्ष 2013 में बीएसएफ में भर्ती हुआ था। शुभम कुमार के एसआई बनने पर घर में बधाईओं का तांता लगा हुआ है।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आज फतेहपुर विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के लिए ड्यूटी पर आई चुनाव पर्यवेक्षक डॉ प्रतिभा सिंह ने विधिपूर्वक पूजा अर्चना की और मां ज्वालामुखी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर अधिकारी ने उन्हें माता की चुनरी, तस्वीर, प्रसाद और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। मंदिर के पुजारी ने उन्हें मंदिर के इतिहास के बारे में बताया राजस्थान से संबंधित आईएएस अधिकारी डॉक्टर प्रतिभा सिंह ने बताया कि उन्हें मंदिर में आकर काफी सुकून मिला है और बहुत अच्छा लगा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश निश्चित तौर पर देवभूमि है और उन्हें हिमाचल में हो रहे उपचुनाव के लिए बतौर पर्यवेक्षक के रुप में आने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में माहौल शांतिपूर्ण है और शांतिपूर्वक मतदान होगा l
एनएच 305 जलोड़ी से बंजार की ओर सोझा के समीप आज शुक्रवार को बंगलोर के 4 बाइक सवार पर्यटक बंजार की ओर आते हुए गहरी ढांक में जा गिरे। जनकारी के अनुसार पुलिस थाना बंजार मे सूचना मिली कि जलोड़ी पास के नजदीक एक मोटर साइकिल सवार कहीं गुम हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस सोझा की ओर रवाना हो गई। तलाशी के दौरान पुलिस को अमित पंजाबी नमक व्यक्ति का शव गहरी ढांक पर मिला। मृत व्यक्ति का पूरा नाम व पत्ता अभी तक सामने नही आया है।
हिमाचल में इन दिनों बहुत से स्कूली छात्र कोरोना पॉजिटिव आ रहे हैं। प्रदेश में छात्रों के बीच बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत गुम्मर की प्रधान शिमला देवी ने चिंता व्यक्त की है।उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द से जल्द बच्चों के बीच में कोरोना संक्रमण को न रोका गया तो इसका भरसक परिणाम देखने को मिल सकते हैं। शिमला देवी ने सरकार से आग्रह किया है कि जल्द ही 18 साल से नीचे उम्र वाले छात्रों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जाए। जिससे बच्चों के बीच कोरोना संक्रमण को रोका जा सके। शिमला देवी ने कहा कि हिमाचल के छात्रों को कोविड वैक्सीन लगाने का युद्धस्तरिय अभियान छेड़ना चाहिए। अगर छात्रों को वैक्सीन लग जाती है तो अभिभावकों की आदी चिंता खत्म हो जाएगी। वैसे ही बीते 2 साल से स्कूल बंद होने की वजह से छात्रों की शिक्षा पर खास नुकसान पहुंचा है। शिमला देवी का कहना है कि स्कूल बंद करना कोरोना संक्रमण रोकने का उपाय नहीं है। स्कूल बंद करने से अच्छा है कि कोविड वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू किया जाए। जगह-जगह वैक्सीन कैंप लगाकर बच्चों को वैक्सीन लगानी चाहिए। सरकार इस बात पर विशेष ध्यान दें ताकि छात्रों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की परेशानी न आये।
यूको आरसेटी सोलन द्वारा दिए जा रहे 30 दिवसीय निःशुल्क " ब्यूटी पार्लर मैनेजमेंट" प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को सफल समापन हुआ l इस 30 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम मे कुल 30 लोगों ने हिस्सा लिया था। जिसमे यूको आरसेटी द्वारा उन्हें ब्यूटी पार्लर व व्यक्तित्व विकास के अलग अलग आयामों के लिए प्रशिक्षित किया गया व स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया l इस कार्यक्रम की ट्रेनर कंचन कश्यप रही l समापन दिवस में असेसर रूपा सूद, यूको आरसेटी निदेशक रोहित कश्यप व गोपाल बंसल मौजूद रहे l आगे जानकारी देते हुए आरसेटी निदेशक रोहित कश्यप ने बताया की स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले इस तरह के विभिन्न कार्यक्रम यूको आरसेटी द्वारा जिला सोलन के निवासियों के लिए मुफ्त चलाये जा रहे हैं। 5 नवम्बर के बाद मशरुम उत्पादन, जूट बैग बनाना, अचार पापड़ बनाने के कार्यक्रम भी शुरू किये जायँगे। जिसके लिए इच्छुक 18-45 वर्ष के इच्छुक प्रतिभागी दोहरी दीवार सुबाथु रोड पर स्थित यूको आरसेटी कार्यालय मे आकर आवेदन कर सकते है।
मंडी लोकसभा के उपचुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर ने पूरी तैयारियां कर ली है वही कल जिले के 129 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। किन्नौर विधानसभा क्षेत्र के तहत कुल 57,728 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनमें 28,791 पुरूष व 28,937 महिलाएं शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर अपूर्व देवगन ने बताया कि जिला में मण्डी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर किन्नौर-68 विधानसभा क्षेत्र में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 129 स्थानों पर मतदान केंद्र स्थापित कर दिए गए हैं व जिले के 57,728 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में 80 वर्ष से अधिक आयु के 1123 मतदाता तथा 908 दिव्यांग मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से 157 मतदाताओं ने अपने घर से ही मताधिकार का प्रयोग किया है जिनमें 80 वर्ष से अधिक आयु वाले 132 मतदाता तथा 25 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। उपायुक्त ने बताया कि 30 अक्तूबर, 2021 को प्रातः 8 बजे से सांय 6 बजे तक मतदान होगा। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग का आग्रह किया है।
हमीरपुर-सुजानपुर भाजपा मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, उपाध्यक्ष प्यार चंद, अंकुश गुप्ता ने प्रेस के माध्यम से कहा कि हिमाचल प्रदेश पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सुजानपुर को सड़क व पुलों के निर्माण में उनकी मुरम्मत के लिए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के अथक प्रयासों द्वारा लगभग सवा करोड़ की धनराशि जारी हुई है। पिछले गत वर्षों से सुजानपुर के लोगों ने सड़कों व पुलों की मरम्मत के लिए पूर्व मुख्यमंत्री से गुहार लगाई थी और जनमानस की रोजमर्रा आवश्यकता को समझते हुए पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने प्रशासन को निर्देश जारी किए। जिसमें लगभग सुजानपुर के लिए एक करोड़ 20लाख रुपए जारी किए गए हैं। विनोद ठाकुर ने बताया कि जारी की गई राशि खैरी पुल से भटलाम्बर तक बाया दूधला चारियां दी धार, बोडू लंबरा दी धार, ताप सड़क की मुरम्मत व रखरखाव। भडमेली से टिब्बी चलोखर तक ग्राम न्यू की सड़क मुरम्मत, गरौडु सड़क का पक्का करना, सत्संग भवन से कसीरी महादेव सड़क की मुरम्मत, खंनोली से खैरी बाया थाची सड़क मुरम्मत, नौहगी से जोड़ु वाया कोटलू, रोपा से गूहल चबूतरा, सलारी सड़क मुरम्मत, जियाणा डूहक छतरूड की सड़क मुरम्मत की स्वीकृति मिली है। भाजपा पदाधिकारियों ने सुजानपुर क्षेत्र को मिली सड़क व पुलों की मुरम्मत के लिए पूर्व मुख्यमंत्री का आभार व धन्यवाद व्यक्त किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के समस्त मतदाताओं से आग्रह किया है कि 30 अक्तूबर को अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाएं। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि लोकतन्त्र में एक-एक वोट का महत्व है तथा सभी महिला एवं पुरूष मतदाता मताधिकार का प्रयोग करते हुए विकास प्रक्रिया में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रातः 8.00 से सांय 6.00 बजे तक आायोजित होगा। उन्होंने अर्की विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि समय पर अपने-अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदान करें। वर्तमान में कोविड-19 महामारी के संकट से सभी को सुरक्षित रखने के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित बनाए गए हैं। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि कोविड-19 के दृष्टिगत नाक से ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहने और मतदान के लिएपंक्ति में खड़े होते समय सोशल डिस्टेन्सिग बनाए रखें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोविड-19 के दृष्टिगत सभी मतदान केन्द्रों पर थर्मल स्केनिंग की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कोविड प्रोटोकाॅल के अनुसार कार्य करेंगे। उन्होंने 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के समस्त मतदाताओं से अपील की है 30 अक्तूबर को प्रातः 8.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक अधिक से अधिक संख्या में अपने मतदान केन्द्र में मतदान कि लिए पहुंचे।
राजकीय महाविद्यालय मटौर में बीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य के संदर्भ में विशेष कार्क्रम का आयोजन किया गया। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के मनोविज्ञान विभाग के आचार्य डॉक्टर मोनिका मक्कड़ व पूजा दीवान रीसॉर्स पर्सन रहे। डॉक्टर मोनिका मक्कड़ ने मानसिक स्वास्थ्य एवं संवेगात्मक बुद्धिमत्ता विषय पर विद्यार्थियों को सम्बोधित किया तथा विस्तार से आत्म जागरूकता, सामाजिक जागरूकता, सहानुभूति एवं सामाजिक कौशल के प्रयोग से विद्यार्थी अपने व्यवहार को कैसे सुधार सकते हैं, इस सन्दर्भ में उन्हें अवगत करवाया। उन्होंने यह भी बताया की व्यक्ति के जीवन में अपने संवेगों को समझने के साथ साथ वे दूसरों के संवेगों को किस प्रकार समझ सकते हैं। आज की इस भाग-दौड़ के जीवन में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ साथ मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। आचार्य पूजा दीवान ने “ख़ुशियों का चुनाव” विषय पर अपने विचार विद्यार्थियों से साँझा किए। उन्होंने इस विषय पर प्रकाश डाला कि किस प्रकार छोटे छोटे परिवर्तन हमारे जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन की ख़ुशी के लिए स्वयं उत्तरदायी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव से मुक्त रहकर जीवन को सकारात्मक रूप से जीने के उपाय भी सुझाए। महाविद्यालय की प्राचार्या शुभ्रा गुप्ता जी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जीवन में ख़ुश रहना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सोच को सकारात्मक रखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम के सयोंजक प्रो. रजनी शर्मा एवं डॉक्टर. अतुल आचार्य ने भी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा महाविद्यालय की ओर से पौधे भेंट किए।
डॉ.दिवेंदर गुप्ता निदेशक विस्तार शिक्षा, डॉ.वाईएस परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी ने क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं अनुसंधान स्टेशन और कृषि विज्ञान केंद्र किन्नौर में की जा रही गतिविधियों के बारे में जानने के लिए केंद्र का दौरा किया। डॉ गुप्ता ने अनुसंधान फार्मों और किसानों के खेतों में सेब और अन्य फसलों पर प्रदर्शन का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में किन्नौर जिले के किसानों के लिए उत्पादकता और सामाजिक-आर्थिक स्थिति को बढ़ाने के लिए सेब में उच्च घनत्व पौधरोपण एक महत्वपूर्ण उपकरण होगा। उन्होंने कल्पा, रोगी और तेलंगी गांवों के प्रगतिशील किसानों से भी बातचीत की और स्टेशन की गतिविधियों पर उनकी प्रतिक्रिया ली। उन्होंने तकनीकी सलाह लेने के लिए स्टेशन पर तैनात विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों से परामर्श लेने और विश्वविद्यालय की सिफारिशों का पालन करने की सलाह दी। केंद्र के एसोसिएट निदेशक और प्रमुख डॉ अशोक ठाकुर सहित, डॉ अरुण कुमार, डॉ डीपी भंडारी और डॉ.बुधी राम ने स्टेशन के विभिन्न अनुसंधान और विस्तार गतिविधियों के बारे में बताया। वैज्ञानिकों ने बताया कि समुद्र तल से लगभग 2740 मीटर की ऊंचाई पर मूल्यांकन की जा रही विभिन्न सेब की किस्मों में से सुपर चीफ, रेड वेलोक्स और जेरोमाइन ने उत्पादकता और गुणवत्ता के मामले में अच्छा प्रदर्शन किया है।
सोलन एसएफआई इकाई द्वारा विश्वविद्यालय में पीएचडी एडमिशन के अंदर होने वाली धांधलियो का विरोध किया। एसएफआई का कहना है कि कुलपति द्वारा अपने बेटे को पीएचडी में एडमिशन दिलाने के लिए यूजीसी की गाइडलाइन को दरकिनार करते हुए अपने बेटे की डायरेक्ट एडमिशन करवाई गई। यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार पीएचडी में एडमिशन के लिए नेट जेआरएफ पास करने के बाद प्रवेश परीक्षा देनी होती थी। उसे क्लियर करने के बाद ही पीएचडी में प्रवेश मिलता था। परंतु अपने उच्च पद का दुरुपयोग कर कुलपति ने अपने बेटे को बिना किसी टेस्ट के ही सीधा प्रवेश दे दिया। एसएफआई कड़े शब्दों में इसकी निंदा करती है और मांग करती है कि जल्द से जल्द इस प्रवेश को वापिस लिया जाए। वहीं दूसरी ओर न्यू एजुकेशन पॉलिसी को हिमाचल में लागू करने के लिए सरकार काफी लंबे समय से कोशिश कर रही है। इस पॉलिसी के अंदर हमारी शिक्षा प्रणाली का निजीकरण और सांप्रदायिकरण किया जा रहा है। 2014 में रूसा सिस्टम को भी सबसे पहले हिमाचल प्रदेश में लागू किया गया। हमारी सरकार ने हिमाचल प्रदेश को एक प्रयोगशाला बना कर रखा है। इसी के साथ साथ PTA के नाम पर जो छात्रों से करोड़ों रुपए लूटे जा रहे हैं, उसे छात्रों से लेना बंद किया जाए हर साल विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों से पीटीए के नाम पर करोड़ों रुपए लूटता है, लेकिन कहां खर्च होते हैं इसका कोई ब्यौरा नहीं है। एसएफआई मांग करती है कि कुलपति के ऊपर सख्त कार्रवाई हो, न्यू एजुकेशन पॉलिसी को हिमाचल में इंप्लीमेंट न किया जाए तथा पीटीए के नाम पर छात्रों को लूटना बंद करें। यदि जल्द से जल्द इन मागों को पूरा नही किया गया तो एसएफआई छात्रों को लामबंद करते हुए एक उग्र आंदोलन तैयार करेगी। जिसका जिम्मेदार विश्वविद्यालय प्रशासन तथा हमारी सरकार होगी। इस मौके पर शिवानी, संतोष, वंशिका, संजय, श्रेया, शैलजा, अंकिता, आर्यन, सौरव सहित 22 लोग सम्मिलित थे।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में शुक्रवार को फतेहपुर विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के लिए ड्यूटी पर आई चुनाव पर्यवेक्षक डॉ प्रतिभा सिंह ने विधिपूर्वक पूजा अर्चना की और मां ज्वालामुखी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उनके साथ निरीक्षक खाद्य आपूर्ति नूरपुर से अजय कुमार, ए एस आई ज्वाली राजकुमार, मंदिर अधिकारी तहसीलदार दीनानाथ व अन्य कई लोग उपस्थित थे। मंदिर अधिकारी ने उन्हें माता की चुनरी, तस्वीर, प्रसाद और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। मंदिर के पुजारी ने उन्हें मंदिर के इतिहास के बारे में बताया राजस्थान से संबंधित आईएएस अधिकारी डॉक्टर प्रतिभा सिंह ने बताया कि उन्हें मंदिर में आकर काफी सुकून मिला है और बहुत अच्छा लगा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश निश्चित तौर पर देवभूमि है और उन्हें हिमाचल में हो रहे उपचुनाव के लिए बतौर पर्यवेक्षक के रुप में आने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में माहौल शांतिपूर्ण है और शांतिपूर्वक मतदान होगा l
रामानुजन अमृत भारत गणित यात्रा' की श्रृंखला में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट में यह यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का संचालन ऑल इंडिया रामानुजन मैथ्स क्लब गुजरात और विज्ञान प्रसार द्वारा किया गया। अमृत भारत गणित यात्रा के संचालक डॉ चंद्रमौली जोशी ने बताया कि यह यात्रा एक अनूठी यात्रा है। जिसके तहत भारत के 25 राज्यों के 75 विद्यालयों में यह यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें बच्चों को रोचक व मनोरंजक गतिविधियों के द्वारा गणित और विज्ञान की अवधारणाओं का ज्ञान दिया जाएगा। इस ऐतिहासिक यात्रा को गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जाएगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने इस यात्रा की सराहना करते हुए बताया कि गणित और विज्ञान को रोचक बनाने के लिए किया गया यह प्रयास अनूठी मिसाल है। इस यात्रा को सफल बनाने में विद्यालय के अध्यापक पुष्पेंद्र कौशिक, सुमन कौर, अशोक कुमार अजय गौतम और मदन लाल ठाकुर ने विशेष योगदान दिया।
सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्तूबर को होने वाले उपनिर्वाचन में कुल 91884 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह जानकारी आज यहां जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने दी। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उप निर्वाचन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अर्की निर्वाचन क्षेत्र के सभी 132 मतदान केन्द्रों के लिए मतदाता पार्टियां निर्धारित मतदान केन्द्र पर पहुंच चुकी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 30 अक्तूबर को होने वाले उप निर्वाचन में कुल 91884 मतदाताओं में से 46483 पुरूष तथा 45401 महिला मतदाता हैं। इनमें 1773 मतदाता 80 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के हैं। कुल मतदाताओं में 15 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं जबकि 90 से 99 वर्ष आयुवर्ग के मतदाताओं की कुल संख्या 224 है। 80 से 89 वर्ष के मध्य कुल मतदाताओं की संख्या 1534 है। 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाताओं में से 908 दिव्यांग मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि मतदान का समय प्रातः 8.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक निर्धारित किया गया है। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि स्वतन्त्र, निष्पक्ष मतदान के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र में कुल 132 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं कोविड-19 निर्देशों के अनुरूप 22 सहायक मतदान केन्द्र भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अर्की-I मतदान केन्द्र 50/61 तथा बातल-1 50/85 मतदान केन्द्र आदर्श मतदान केन्द्र हैं। उन्होंने कहा कि अर्की निर्वाचन क्षेत्र में 50/62-अर्की-II तथा 50/63 अर्की- III मतदान केन्द्रों का पूर्ण संचालन महिला कर्मियों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में 5 मतदान केन्द्र क्रिटीकल तथा 41 मतदान केन्द्र वलनरेबल मतदान केन्द्र घोषित किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र में 04 सैक्टर मैजिस्टेªट तथा 12 सैक्टर अधिकारी तैनात किए गए हैं। 11 सूक्ष्म पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि उपनिर्वाचन के लिए मतदान आरम्भ होने से पूर्व भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी नियमों का पालन करते हुए माॅक पोल भी आयोजित किया जाएगा। इस सम्बन्ध में उचित दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में उपप्रधानाचार्य प्रकाश बट्टू की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी अनिता कौंडल के दिशानिर्दशों में स्वच्छ भारत अभियान के अन्तर्गत पॉलीथिन हटाओ पर्यावरण बचाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कार्यक्रम अधिकारियों सहित स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर तथा साथ लगते बाजार में जागरुकता रैली निकाली तथा पॉलीथिन साफ करके लोगों को पॉलीथिन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। अपने वक्तव्य में अनिता कौंडल ने बताया कि यह भूमि प्रदूषित करने के साथ जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण के साथ पेड़ पौधों और फसलों के उत्पादन में वृद्धि को भी प्रभावित करता है। अंत में सभी ने पॉलीथिन का प्रयोग न करने की शपथ ली।
अल्ट्राटेक सीमेंट बागा द्वारा दिवाली के उपलक्ष में स्नेह सम्मेलन का आयोजन बागा कंप्यूटर सेंटर में किया गया। इस दौरान दिवाली उत्सव पर अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा समस्त ग्राम वासियों को बधाई दी गई। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान सुरेंद्रा, निशा, उर्मिला, जागृति द्वारा पंचायत की ओर से समस्त अल्ट्राटेक प्रबंधन को भी दीपावली की शुभकामनाएं दी गई। महिला मंडल प्रधान सुखदेई चौहान, चंपा देवी, मीना शर्मा, कुंता देवी, लता शर्मा द्वारा महिलाओं के विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए अल्ट्राटेक कम्युनिटी वेलफेयर द्वारा चलाए जा रहे चरणबद्ध कार्यक्रम से महिलाओं का आत्मविश्वास व् आत्मनिर्भरता में बढ़ोतरी मिली है। समस्त महिला मंडल प्रधान एवं एसएचजी समूह महिला शक्ति द्वारा पुनीत कार्य के लिए अल्ट्राटेक को बधाई दी गई। अल्ट्राटेक सीएसआर के प्रभारी कुलीन देशमुख, सहायक कार्यकर्ता रिचा ठाकुर, सुजाता वर्मा, चौहान कृष्णा द्वारा कंपनी प्रबंधन की ओर से सभी को दीवाली की अग्रिम हार्दिक शुभकामनाएं दी गई।


















































