बिझड़ी तहसील के गांव सोहारी की दी सोहारी कृषि सेवा सहकारी सभा सीमित की नई प्रबंधन समिति के गठन की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। इसकी चुनाव प्रक्रिया 28 दिसंबर को पूर्ण की जाएगी। सभा के सचिव संदीप कुमार सोहारू ने बताया कि इस चुनाव में भाग लेने के इच्छुक सभा सदस्य 13 और 14 दिसंबर को सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक अपना नामांकन भर सकते हैं। उम्मीदवारों को अपने वार्ड से एक प्रस्तुतकर्ता और एक समर्थक साथ लाना होगा। दोषी, ऋणी व्यक्ति और उनके जामनान यानि गारंटर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र नहीं होंगे। अधिक जानकारी के लिए सभा के सचिव से संपर्क किया जा सकता है।
सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य के चलते बड़ू-अणु मार्ग पर वाहनों की आवाजाही 30 अक्तूबर से 17 नवंबर तक बंद रहेगी। इस संंबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश देबश्वेता बनिक ने बताया कि इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक बराड़बल्ह मार्ग से आवाजाही कर सकते हैं। उन्होंने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।
बचत भवन हमीरपुर की खाली दुकानों नंबर 3, 4, 5 और 14 तथा इसी परिसर के अंदर की तरफ एक छोटी दुकान की नीलामी अब 8 नवंबर को दोपहर बाद 2 बजे होगी। सहायक आयुक्त रमन घरसंगी ने बताया कि पहले यह नीलामी 28 अक्तूबर को होनी थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसकी तिथि में बदलाव किया गया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि दुकानो कि न्यूनतम आरक्षित मासिक किराया 12-12 हजार रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि छोटी दुकान का न्यूनतम आरक्षित मासिक किराया 6 हजार रुपये होगा। मासिक किराये पर जीएसटी अलग से देय होगा। एक व्यक्ति या परिवार को एक ही दुकान आवंटित की जाएगी। जिस व्यक्ति या परिवार को एक दुकान आवंटित हो जाएगी, उसे अन्य दुकानों की नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकतम बोली लगाने वाले को ही दुकान आवंटित की जाएगी तथा नीलामी के बाद उससे तीन माह का किराया अग्रिम राशि के रूप में लिया जाएगा। प्रत्येक बोलीदाता को बोली से पहले सहायक आयुक्त कार्यालय में दस हजार रुपये की धरोहर राशि जमा करवानी होगी। अधिक जानकारी के लिए सहायक आयुक्त कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ जिला कांगड़ा के अंग्रेजी विभाग द्वारा शुक्रवार को अध्ययन गोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्ययन गोष्ठी का मुख्य विषय महिला सशक्तिकरण रहा। अध्ययन गोष्ठी की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनिल डोगरा द्वारा की गई। साथ ही इसका नियोजन अंग्रेजी विभाग की मुखिया सुषमा कुमारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उक्त विभाग के बहुत से बच्चों ने बढ़-चढ़कर व उत्साहपूर्ण तरीके से भाग लिया। छात्रों में बीए पहले वर्ष की छात्रा प्रिया, बीए द्वितीय वर्ष के अंकित कुमार व बीए तृतीय वर्ष से प्रिया कुमारी, प्रिया देवी और प्रीति द्वारा अपने विचार रखे गए और शोध पेपर भी प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही अध्यापकों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया, उन्होंने भी अपने शोध पेपर प्रस्तुत किए। कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनिल डोगरा ने महिलाओं की तुलना साक्षात् भगवान से की। उन्होंने कहा कि महिला ही इस संसार को जन्म देती है, उसको पालती और उसका पोषण करती है। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति को अच्छे कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
काँगड़ा किक बॉक्सिंग एसोसिएशन की बैठक वीरवार शाम गंगा मुक्ति धाम काँगड़ा में अध्यक्ष डॉ पवन पटियाल और मुख्य सचिव संजय कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें सर्वसमति से समुराई फीटनेस सेंटर डाडा सीबा के निदेशक पवन कुमार को काँगड़ा किक बॉक्सिंग एसोसिएशन का उपाध्यक्ष और गुरदीप सिंह गांव बैह को सहसचिव नियुक्त किया गया। इस बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि जल्द ही काँगड़ा में जिला स्तरीय चैंपियनशिप भी करवाई जाएगी। वहीं आगामी कार्यकारणी को सुचारू रूप से चलाने और किक बॉक्सिंग को प्रदेश के कोने-कोने में पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पवन कुमार ने बताया की उनका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर के खेल के प्रति उनकी रूचि बढने का रहा है और जल्द ही उपमंडल देहरा के खिलाडी जिला स्तरीय चैंपियनशिप में भाग लेंगे।
सरकारी बसों की तर्ज पर भैयादूज के दिन यानि 6 नवंबर को ठाकुर बस सर्विस मे भी तमाम बहनें फ्री सफर कर सकेगी। जसवां परागपुर की पंचायत कसबा जगीर के समाजसेवी व ठाकुर बस सर्विस के मालिक मुकेश ठाकुर ने तमाम बहनो को मुफ्त बस सेवा देने का ऐलान किया है। इन्होने कहा कि ठाकुर बस सर्विस की सभी बसें जो जिला काँगड़ा के भिन्न भिन्न रुटो पर चलती है, उक्त तमाम बसो मे बहनो के लिए फ्री सुविधा दी जाएगी। गौरतलब है कि कोरोना संकटकाल में विगत करीब 6 महीनो से लगातार समाजसेवी मुकेश ठाकुर जसवां-परागपुर की 78 पंचायतों में गरीब, लाचार परिवारों की निशुल्क सेवा करते आ रहे है। इस दौरान राशन वालों को खाद्य पदार्थ, बीमारी से पीड़ित के उपचार पर नगद राशी व गरीब कन्याओं की शादी पर धाम का राशन मुहैया करवा रहे है और इसके साथ ही कॉलेज और स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को किताबें मुहैया करवा रहे हैं।
कुल्लू पुलिस नशा तस्करों के बक्शने के मूड में बिल्कुल नहीं है। इसी कड़ी में पुलिस देर रात राशिआगे में मलाणा की ओर जाने वाले लिंक रोड पर गश्त पर तैनात थी। इस दौरान पुलिस ने रात को करीब 8.30 बजे नाकाबंदी के दौरान मदन साही पुत्र प्रकाश साही उर्फ निवासी, माईप पीओ झज्जरकोट, पीओ गोरखाकोट नेपाल के कब्जे से 1 किलो 65 ग्राम चरस बरामद की है। बता दें कि यह आरोपी मलाणा जरी की ओर आ रहा था। मामले कि पुष्टि करते हुए एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते वार्ड नम्बर-6 हनुमान मंदिर बुधवार देर शाम नारकोटिक सैल कांगड़ा की टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर हनुमान मन्दिर के शमशान घाट देहरा के पास रेन शैल्टर के बैंच पर बैठे एक 36 वर्षीय व्यक्ति के पास 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
ग्राम पंचायत घणागुघाट के छिब्बर गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। छिब्बर गांव से महिला मंडल की प्रधान सरला ठाकुर ने बताया कि गांव में दो पशु जिनकी टैगिंग भी की गई है, कई दिनों से लोगों की फसलों का काफी नुकसान कर रहे थे। गांव वालों ने इनकी टैगिंग के आधार पर इन पशुओं के असली स्थान का पता किया तो पता चला कि दोनों गोवंश सनोग पंचायत के खजला गांव में किसी महिला के नाम से पंजीकृत हैं। उन्होंने उस महिला व वहां की पंचायत प्रधान से इन पशुओं को ले जाने का आग्रह किया लेकिन वह टालमटोल ही करते रहे। वंही इस बीच यह पशु तेंदूएन का शिकार बन गए। तेंदुए ने गोवंश में से गाय को बुरी तरह से नोच डाला, जिससे गाय की मौत हो गई। साथ में एक बैल को भी तेंदुए ने घायल कर दिया है और वह तड़प- तड़प कर अंतिम सांसे गिन रहा है। पशु चिकित्सालय से आए जितेंद्र कुमार 2 दिनों से घायल बैल की मरहम पट्टी कर रहे है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्तूबर को आयोजित होने वाले उप निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र के गांव-गांव में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) आयोजित किए जा रहे हैं। यह जानकारी स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी शिव कुमार ने दी। शिव कुमार ने कहा कि स्वीप के तहत आज ग्राम पंचायत कश्लोग में स्वयं सहायता समूह के सहयोग से जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों से आग्रह किया गया कि सभी मतदान अवश्य करें ताकि विकास में जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। रैली में पंचायत की महिलाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। स्वीप टीम के सदस्यों द्वारा 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के शालाघाट तथा कराड़ाघाट में जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों को जानकारी दी गई कि लोकतन्त्र में एक-एक वोट का महत्व है तथा सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग कर स्वस्थ लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। लोगों जानकारी दी गई कि 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं के लिए अपने घर से ही मतदान करने की सुविधा प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 950 से अधिक मतदाताओं वाली संख्या वाले मतदान केन्द्रों के साथ लोगों की सुविधा के लिए सहायक 22 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं ताकि कोविड-19 के दृष्टिगत भीड़ एकत्र न हो। इस अवसर पर लोगों से आग्रह किया गया कि सभी कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए नियमों का पालन करें। लोगों से आग्रह किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और बार-बार अपने हाथ साबून अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से साफ करते रहें।
अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट द्वारा यूको बैंक के सहयोग से सतर्कता सप्ताह के मद्देनजर गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में ग्रुप डिस्कशन, शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया। इसमें यूको बैंक के पदाधिकारी मधु और गौरव मौजूद रहे।बैंक पदाधिकारियों ने छात्रों से सतर्क रहने का निवेदन किया तथा अपने परिवार और समाज के लोगों को भी सतर्क करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्रों को संस्थाओं तथा समाज में बढ़ रहे भ्रष्टाचार से अवगत कराया गया तथा बैंक से संबंधित जानकारी को गोपनीय रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। गौरव ने बताया कि डिजिटल टूल का प्रयोग हमें सावधानी पूर्वक और गोपनीय तरीके से करना चाहिए। इसके पश्चात मधु ने सभी छात्रों को भ्रष्टाचार में लिप्त ना होने तथा समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार रोकने की शपथ दिलाई। अंत में संस्थान के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने सभी छात्रों से बताए गए विषय को अमल में लाने का अनुरोध किया और बैंक से आए पदाधिकारियों का धन्यवाद किया।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 33/11 केवी ओच्छघाट फीडर के आवश्यक कार्य के दृष्टिगत 30 अक्तूबर को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियन्ता विकास गुप्ता ने दी। विकास गुप्ता ने कहा कि इसके दृष्टिगत 30 अक्तूबर को प्रातः 11.00 बजे से सांय 3.00 बजे तक 11 केवी शामती फीडर के तहत आने वाले शामती, मझोली, क्यार, सन्होल, नंदल, कोटला पंजोला तथा दोलांजी एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी समय अवधि में 11 केवी मरयोग फीडर के तहत आने वाले धारों की धार, धरजा, अम्बर कोठी तथा बडलेच सहित आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
उपमंडल अधिकारी पांवटा साहिब विवेक महाजन ने दीपावली के त्यौहार के दृष्टिगत पांवटा उपमंडल के क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित करने व निर्धारित स्थलों पर आगजनी जैसी समस्याओं के निदान हेतु व्यवस्था बनाने, आकस्मिक दुर्घटनाओं हेतु स्वास्थ्य सुविधा तथा त्यौहारी सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर उपमंडल कार्यालय में बैठक का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा पटाखों की बिक्री के लिए दो स्थानों का चयन किया जा रहा है इन चयनित स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री की जाएगी इसके अतिरिक्त किसी भी स्थान पर पटाखों का विक्रय व भंडारण नहीं किया जाएगा । उन्होंने कहा कि पटाखा विक्रय के लिए उप मंडल अधिकारी कार्यालय पांवटा साहिब से लाइसेंस प्रदान किए जाएंगे जिसके लिए लाइसेंस प्रोफार्मा डिक्लेरेशन के साथ जारी कर दिया गया है केवल लाइसेंस धारक को ही पटाखों की बिक्री व प्रदर्शन की अनुमति होगी। इस दौरान उन्होंने बिजली विभाग को बिक्री स्थल पर बिजली की व्यवस्था उपलब्ध करवाने तथा जल शक्ति विभाग को पानी की उचित व्यवस्था उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक दुकानदार को पटाखों की दुकान के साथ रेत की बोरी व पानी की व्यवस्था भी करनी होगी। उन्होंने अग्निशमन विभाग को आगजनी की समस्या पर नियंत्रण पाने के लिए फायर हाइड्रेंट चेक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइलेंस जोन निर्धारित क्षेत्र, अस्पताल, शिक्षण संस्थान ,न्यायालय और धार्मिक स्थल के आसपास पटाखे चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि ग्रीन ट्रिब्यूनल से जारी निर्देशानुसार दिवाली पर पटाखे चलाने का समय भी निर्धारित किया है जो मात्र 2 घंटे शाम को 8:00 से 10:00 बजे तक रहेगा। पटाखे भी ग्रीन विनिर्देश मानक पर ही चलाये जाएंगे। इस दौरान 3 कमेटियों का गठन किया गया।
आगामी दीपावली पर्व के दौरान पटाखे और आतिशबाजियों से किसी जानमाल की क्षति होने की संभावना को देखते हुए उपमंडल मेजिस्ट्रेट राजगढ़ सुंरेन्द्र मोहन ने सीआरपीसी की धारा 144 के तहत अधिसूचना जारी करके उपमंडल में पटाखों और आतिशबाजियों के चलाने, स्टोर करने तथा बिक्री करने के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। यह सभी निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होकर आगामी 5 नवंबर तक प्रभावी रहेंगे। जारी अधिसूचना के अनुसार उपमंडल में पटाखे और आतिशबाजियों बेचने के लिए विक्रेताओं को एसडीएम कार्यालय से लाईसैंस लेना अनिवार्य होगा। नगर पंचायत राजगढ़ और ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतें अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखों के बेचने के लिए स्थान निर्धारित करेगी जिसकी सूचना एसडीएम कार्यालय को देनी होगी। एसडीएम ने बताया कि निर्धारित स्थल पर आतिशबाजी व पटाखों को शैड में रखना होगा जोकि गैर ज्वलनशील सामग्री से इस तरह बना हो कि उसके कोई गैर व्यक्ति प्रवेश न कर सके। एसडीएम ने बताया कि खुले में अतिशबाजी व पटाखों के बेचने की अनुमति नहीं होगी । अधिसूचना के अनुसार विक्रेताओं को पटाखे और आतिशबाजियों का भण्डारण सुरक्षित जगह पर करना होगा, जिसके नजदीक कोई ज्वलनशील पदार्थ न हो और स्टोर में किसी प्रकार के ध्रूमपान इत्यादि करना भी वर्जित होगा। आतिशबाजी व पटाखों के पैकेट पर संबधित कंपनी द्वारा इस्तेमाल किए गए रसायनिक पदार्थों बारे उल्लेख करना अनिवार्य होगा। एसडीएम ने कहा कि पटाखों से उत्पन्न होने वाली ध्वनि का शोर 125डीबी(ए1) अथवा 145डीबी (सी) से अधिक नहीं होना चाहिए और पटाखों का प्रयोग रात्रि दस बजे के उपरांत अगली प्रातः 6 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। उन्होने कहा कि साइलैंस जोन के तहत आने वाले अस्पताल, स्कूल, न्यायिक अदालत और धार्मिक स्थल से एक सौ मीटर की दूरी तक पटाखे और आतिशबाजियों के चलाने पर पाबन्दी रहेगी। अधिसूचना के अनुसार एसडीएम द्वारा उपमंडल में तैनात तहसीलदार व नायब तहसीलदार राजगढ़, नायब तहसीलदार पझौता, पुलिस थाना अधिकारी राजगढ़, प्रभारी पुलिस चौकी यशवंतनगर व फटीफटेल को आदेश दिए है कि अपने अपने क्षेत्रों में इन आदेशों की अनुपालना करवाना सुनिश्चित करे जिसके लिए अधिकारी संबधित क्षेत्र में विस्फोटक नियम 2008 के तहत औचक निरीक्षण कर सकते हैं ।
डॉ जगदीश नेगी उपनिदेशक उच्च शिक्षा विभाग सोलन की अध्यक्षता में जिला कोविड- निगरानी समिति ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग का दौरा किया तथा सरकार द्वारा कोविड-19 से संबंधित जारी किए गए दिशा-निर्देशों के बारे में विद्यार्थियों को बताया। इस दौरान प्रधानाचार्य मधु जनारथा व अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। समिति ने विद्यालय में किए गए प्रबंधन की जानकारी ली और विद्यालय में सरकार द्वारा कोविड-19 से संबंधित सरकार की गाइडलाइंस का सुचारू रूप से प्रबंधन के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश चौहान की सराहना की। साथ ही उपशिक्षा निदेशक उच्चतर सोलन द्वारा विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों व विद्यालय के स्टाफ को भी कोविड गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा की अभी भी प्रदेश में कोरोना के केस आ रहे हैं, जिससे हम सभी को सावधान रहने की आवश्यकता है। विद्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य व अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
मंडी संसदीय सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए अभिलाषी विश्वविद्यालय चैलचौक की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों ने बुधवार को चच्योट उपमंडल के अंतर्गत आने वाले चार गांवों की जनता को वोट देने के लिए जागरूक किया। अभिलाषी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यकारी अधिकारी डॉ अभिषेक सोनी ने बताया कि 30 अक्तूबर को मंडी संसदीय सीट के लिए उपचुनाव आयोजित किए जा रहे है। अभिलाषी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रोएचएस बनयाल ने बताया कि इसी कड़ी में जागरूकता पोस्टर रिलीज किया गया। प्रो.बनयाल ने कहा कि स्वयंसेवक गाँव-गाँव जाकर लोगों को वोट के महत्त्व से अवगत करवाएं। स्वयंसेवकों द्वारा नौग्रांव, बणी, चच्योट, रैडी तथा चौगान में गांव में डोर-टू-डोर जाकर लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। गांव में जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए।
प्रदेश में 4 उपचुनावों के चलते आज शाम 5 बजे शराब के ठेके बंद कर दिए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों से जुड़े 20 विधानसभा क्षेत्रों में पांच बजे से 48 घंटे तक चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगने जा रहा है। यह प्रतिबंध मतदान के दिन 30 अक्तूबर तक शाम पांच बजे तक रहेगा। इसके बाद 2 नवंबर को मतगणना के दिन भी शराब की ब्रिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। संबंधित क्षेत्रों में आने वाले होटल, रेस्टोरेंट, क्लब में शराब की बिक्री व वितरण पर रोक रहेगी। निर्वाचन अधिकारियों की ओर से इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के मुताबिक उपचुनावों से जुड़े लोकसभा और विस क्षेत्रों में प्रतिबंध एक साथ लागू होगा। यदि कहीं पर भी शराब की दुकान से बिक्री होते मिली तो उसका लाइसेंस रद्द किया जाएगा। इस बाबत निर्वाचन अधिकारियों ने सभी मजिस्ट्रेट, एडीएम, एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि संसदीय क्षेत्र मंडी में 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। सदर मंडी, करसोग, सुंदरनगर, नाचन, सराज, द्रंग, जोगिंद्रनगर, बल्ह, सरकाघाट, भरमौर, लाहौल-स्पीति, मनाली, कुल्लू, बंजार, आनी, रामपुर और किन्नौर शामिल हैं। जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर और अर्की में भी उपचुनाव हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल अपने पिता एंव अपने जमाने के दिग्गज स्टार धर्मेंद्र और मां के साथ हिमाचल प्रदेश के मनाली पहंचे हैं। वे मनाली की हसीन वादियों का लुत्फ ले रहे हैं। देओल के परिवार का मनाली के साथ खास लगाव रहा है। सनी देओल मनाली की वादियों से इतना लगाव रखते हैं कि उन्होंने यहां आशियाना बनाने के लिए जमीन खरीदने का प्रयास किया। इसके लिए वे तत्कालीन राजस्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर से भी मिले, लेकिन किन्हीं कारणों से उनका सपना धरातल पर नहीं उतर पाया। लिहाजा अपनी मनाली में रहने की ख्वाहिश को पूरा करने को सनी देओल ने वामतट मार्ग पर सरसेई के पास एक कॉटेज किराये पर ले रखा है। वहीं धर्मेंद्र का भी मनाली से खास लगाव रहा है।
हिमाचल प्रदेश के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी हमीरपुर की छात्रा साभ्या सूद को यूके की कंपनी ने 1.09 करोड़ के सालाना पैकेज पर नौकरी ऑफर की है। बीटेक अंतिम वर्ष की छात्रा साभ्या सूद यूके में अमेजन कंपनी में सेवाएं देंगी। साभ्या सूद हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ की रहने वाली हैं। साभ्या के पिता प्रदीप सूद एक व्यवसायी हैं, जबकि माता डोली सूद बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हुई हैं। जेईई की परीक्षा देने के बाद साभ्य सूद का चयन एनआईटी हमीरपुर में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में हुआ था। एनआईटी हमीरपुर ने लगातार दूसरे माह अपने छात्र की एक करोड़ से अधिक के सालाना पैकेज पर प्लेसमेंट करवाई है। साभ्या सूद ने बताया कि यूके की इस कंपनी में चयन के लिए करीब 10 सप्ताह तक चलने वाली ऑनलाइन इंटरव्यू प्रक्रिया से उसे गुजरना पड़ा है। एनआईटी हमीरपुर के निदेशक डॉ. ललित कुमार अवस्थी और संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अफसर डॉ. भारत भूषण शर्मा ने साभ्या को बधाई दी है।
हिमाचल प्रदेश के 19 लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं को डिपुओं में नवंबर में तय रेट से 22 रुपये सस्ती दालें मिलेंगी। उपभोक्ताओं को चार में से तीन दालें दी जा रही हैं। इनमें दाल चना, मूंग, मलका और माश की दाल शामिल है। दालें प्रति किलो 22 रुपये तक सस्ती होंगी। प्रदेश सरकार केंद्रीय सरकारी एजेंसी नैफेड से दालों की खरीद करती है। बताया जा रहा है कि दालों के दाम गिरने से उपभोक्ताओं को सस्ती दालें मिलेंगी। प्रदेश सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को तीन दालें, दो लीटर तेल, चीनी और नमक सब्सिडी पर उपलब्ध करा रही है। आटा और चावल केंद्र सरकार सब्सिडी पर प्रदेश को दे रही है। सरकार दालों की खरीद केंद्रीय सरकारी एंजेंसी नैफेड से खरीदती है।
चिंतपूर्णी में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। चिंतपूर्णी के तलवाड़ा रोड चँबी बाजार में आज सुबह निजी बस और बाइक में जबरदस्त टकर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार को काफी चोटें आयी है। बाइक सवार को चिंतपूर्णी अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि बाइक सवार गलत दिशा से आ रहा था जिसके चलते उसकी बाइक बस के साथ जा टकराई। वंही निजी बस चिंतपूर्णी से तलवाड़ा पंजाब की ओर जा रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
राजकीय माध्यमिक पाठशाला लेऊ-कुफ़्फर के आठवीं कक्षा के छात्र कार्तिकेय शर्मा ने आईएनसीए मैप क्विज ऑनलाइन प्रतियोगिता में पूरे भारत में पहला स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से राजगढ़ के साथ-साथ जिला सिरमौर व प्रदेश का नाम भी रोशन हुआ हैI खंड स्रोत समन्वयक राजगढ़ प्रेम चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पुरूस्कार उन्हें चंडीगढ़ में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने दिया। इस उपलब्धि पर जिला परियोजना अधिकारी ऋषिपाल शर्मा, खंड स्रोत समन्वयकप्रेम चौहान द्वारा कार्तिकेय शर्मा, उनके परिजनों व विद्यालय के सभी अध्यापकों को बधाई दी गईI कार्तिकेय की इस उपलब्धि से क्षेत्र भर में ख़ुशी का माहौल है।
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के चंगर इलाके की खूंडिया से पीहड़ी ग्लोटी सड़क बाया नहालिया की हालत दयनीय हो गई है। जगह-जगह पर सड़क में गड्ढे बने हुए हैं, जिससे लोगों का इस मार्ग से आना-जाना मुश्किल हो गया है। इसी के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर यातायात सुविधा भी बहुत कम है। इस सड़क पर कई बार सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। लोगों ने कई बार इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग से शिकायत भी की है, परंतु किसी ने कोई सुनवाई नहीं की है। सड़कों की दयनीय हालत के चलते राहगीरों को भारी परेशानियों उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता देहरा दिनेश कुमार से आग्रह किया है कि इस सड़क की हालत सुधारी जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस संदर्भ में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग देहरा दिनेश कुमार ने बताया कि शीघ्र ही इस सड़क की दशा को सुधारा जाएगा ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। स्थानीय विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने कहा कि इस सड़क की दशा सुधारी जाएगी।
जसवां:परागपुर के गांव नाहन नगरोटा में बिजली के पोल से लगी स्टे तार में अचानक कंरट लगने पर एक गर्भवती गाय की दर्दनाक मौत गई। यह दर्दनाक हादसा बुधवार देर सांय पेश आया। दरसल जब यशपाल शर्मा का छोटा बेटा अपनी गाय को घास चराकर वापिस अपने घर आ रहा था तो उक्त गाय यहां सड़क किनारे बिजली की मैन सप्लाई के लिए लगाए गए खम्बे की स्टे तार को टच करते ही कंरट लगने से धड़ाम होकर नीचे जमीन पर गिर गई और गाय की मौके पर ही मौत हो गई। गाय की मालकिन सुमना देवी ने बताया कि यहा बिजली के खम्बे के साथ लगी स्टे तार मे बिजली का करंट इतना जयादा था की था कि गाय इसकी चपेट में आ गई। लोगो का आरोप है कि जहाँ यह हादसा हुआ है वह ग्रामीण आबादी वाला इलाका है। इस सम्पर्क मार्ग से गांव के ज्यादा तर ग्रामीण स्कूली बच्चे निकलते है। इस बारे जब बिजली बोर्ड परागपुर मे तेनात एसडीओ मन्जीत सिह से बात हुई तो उन्होंने कहा कि पता चलते ही मौके पर जेई को भेजा गया है उक्त खम्बे मे बिजली का कंरट कैसे आया इसकी भी जांच की जा रही है ताकि भविष्य मे दुबारा कोई हादसा न हो।
राजकीय महाविद्यालय पझौता में भाषा एवं संस्कृति विभाग सिरमौर के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालय युवा महोत्सव, आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत मनाया गया। युवा महोत्सव में जिला सिरमौर के 7 महाविद्यालयों, राजकीय महाविद्यालय नाहन, पावंटा-साहिब, शिलाई, संगड़ाहा, सरांहा, हरिपुरधार व राजगढ़ ने भाग लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय पझौता द्वारा ऑनलाइन व ऑफलाइन नारा लेखन, कोलाज मेकिंग, कविता लेखन, निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग भाषण व क्विज आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाविद्यालय पझौता के द्वारा विद्यार्थियों के लिए महात्मा गांधी के ऊपर एक सुंदर प्रदर्शनी का भी आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों ने पझौता आंदोलन के ऊपर एक लघु नाटिका और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
शिमला : प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले फिर बढ़ने लगे है। अब आईजीएमसी में 4 डॉक्टर के कोरोना पॉजटिव आने से हड़कम्प मच गया है। यह डॉक्टर ईएनटी व सर्जरी विभाग के बताए जा रहे है। जनाकारी के अनुसार मंगलवार को आईजीएमसी में चिकित्सको के सेंपल हुए थे जिसमे मंलवार रात को 4 डॉक्टरों की रिपोर्ट पॉजटिव आयी है जबकि 1 की रिपोर्ट आनी है। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों के पॉजटिव आने से मरीज़ो में भी डर बैठ गया है। आईजीएमसी के एमएस डॉ जनक राज ने मामले की पुस्टि करते हुए कहा कि लोग सावधानी बरतें नियमों का पालन करते रहे। गौरतलब है कि मंगलवार को प्रदेश में 79 विद्यार्थियों समेत 249 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें अधिकतर विद्यार्थी सरकारी स्कूलों के हैं। कांगड़ा जिले के स्कूलों में सबसे अधिक 59 विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ.राजन उप्पल ने जिला के 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के सभी लोगों से आग्रह किया है कि वह कोविड-19 से बचाव के लिए प्रथम टीकाकरण की 84 दिन की अवधि पूर्ण होते ही कोविड-19 टीकाकरण की दूसरी डोज लगवा लें। डाॅ.उप्पल ने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के व्यक्ति प्रथम टीकाकरण के उपरान्त 84 दिन की अवधि पूर्ण होते ही अपने मोबाइल पर दूसरे टीकाकरण के सम्बन्ध में संदेश की प्रतीक्षा न करें। उन्होंने आग्रह किया कि यह अवधि पूर्ण होते ही समीप के टीकाकरण केन्द्र पर जाकर अपना दूसरा टीका लगवा लें।उन्होंने कहा कि दूसरी टीका यदि समय पर नहीं लगाया जाता है तो पहले टीका का असर भी कम हो जाता है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि कोविड-19 की तीसरी लहर से बचाव के लिए दूसरी डोज समय पर अवश्य लगवा लें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए सोलन के ठोडो मैदान में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। ठोडो मैदान में प्रातः 10.00 बजे से सांय 4.00 बजे तक विशेष कोविड टीकाकरण सत्र का लाभ उठाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। मास्क का सही ढंग से प्रयोग करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर 2 गज की दूरी का पालन करें। बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहें।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी बड़ोग फीडर के आवश्यक कार्य के दृष्टिगत 11 केवी गुरूद्वारा फीडर की विद्युत आपूर्ति 28 अक्तूबर को बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियन्ता विकास गुप्ता ने दी। विकास गुप्ता ने कहा कि इसके दृष्टिगत 28 अक्तूबर को प्रातः 11.00 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक डाकघर सपरून, सुगन्धा अपार्टमेंट, जेडएसआई, पावर हाउस रोड, जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय, बसन्त विहार, डोमिनोस तथा इसके आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में उप निर्वाचन के दृष्टिगत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में 30 अक्तूबर को मतदान दिवस पर राजपत्रित अवकाश के सम्बन्ध में आवश्यक आदेश जारी किए हैं। यह आदेश इस सम्बन्ध में प्रदेश सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुरूप हैं। इन आदेशों के अनुसार 30 अक्तूबर को 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दृष्टिगत सार्वजनिक अवकाश रहेगा। अधिसूचना के अनुसार मतदान के दिन 30 अक्तूबर को विधानसभा क्षेत्र में सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों, शेैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों के लिए राजपत्रित अवकाश रहेगा। यह अवकाश नेगोशियेबल इंस्ट्रूमेन्ट अधिनियम, 1881 की धारा 25 के अन्तर्गत दैनिक भोगी कर्मचारियों के लिए भी देय होगा। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उन पंजीकृत मतदाताओं को ही विशेष वैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा जो सम्बन्धित पीठासीन अधिकारी से प्राप्त यह प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेंगे कि कर्मचारी ने मतदान किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने 30 अक्तूबर को हरियाणा राज्य के 46-ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के दृष्टिगत सोलन जिला में कार्य करने वाले उन व्यक्तियों के लिए विशेष वैतनिक अवकाश घोषित किया है जो 46-ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के पंजीकृत मतदाता हैं। दैनिकभोगी कर्मचारियों के लिए भी विशेष वैतनिक अवकाश होगा। इस सम्बन्ध में प्रदेश सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुरूप आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि हिमाचल प्रदेश में कार्यरत हरियाणा राज्य के 46-ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के उन पंजीकृत मतदाताओं को ही विशेष वैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा जो सम्बन्धित पीठासीन अधिकारी से प्राप्त यह प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेंगे कि कर्मचारी ने मतदान किया है।
जयसिंहपुर उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत लंबागांव में आशापूरी रामलीला कला मंच क्लब लोअर लंबागांव में राम लीला का समापन हुआ। इस मौके पर जयसिंहपुर के जिला परिषद संजीव ठाकुर उपस्थित रहे। लंबागांव की रामलीला 14 दिन तक चली। रामलीला के डारेक्टर रिटायर अध्यापक मेयर चंद के साथ राम लीला कला मंच के क्लब के सभी साथियों ने उनका सहयोग दिया। लंबागांव राम लीला के सम्मापन पर जिला परिषद संजीव ठाकुर के साथ ग्राम पंचायत लंबागांव के प्रधान सुमन मेहर, उप प्रधान हरि दास, बीडीसी सदस्य अनिता सूद के साथ पंचायत के सभी सदस्य के साथ गांव के लोग उपस्थित रहे।
सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप निर्वाचन के लिए प्रतिनियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक मुंमंचिंग की उपस्थिति में आज निर्वाचन कार्य के लिए तैनात कर्मियों की द्वितीय स्तर की रेंडेमाइजेशन प्रक्रिया पूर्ण की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं। कृतिका कुलहरी ने इस अवसर पर कहा कि उप निर्वाचन के लिए तैनात सभी कर्मियों को उचित प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि 30 अक्तूबर को होने वाले मतदान में उक्त सभी कर्मचारियों की अत्यन्त महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि मतदान दिवस पर बिना किसी भय एवं पक्षपात के अपना कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न करें। इस अवसर पर अवगत करवाया गया कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप निर्वाचन के लिए 154 मतदान दल गठित किए गए हैं। 31 मतदान दल रिर्जव में रखे गए हैं। सामान्य पर्यवेक्षक की निगरानी में रेंडेमाइजेशन प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरान्त सभी दस्तावेज निर्वाचन अधिकारी अर्की को प्रेषित किए गए। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी संजीव कुमार, तहसीलदार निर्वाचन राजेश तोमर, निर्वाचन अधीक्षक राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्तूबर को आयोजित होने वाले उप निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र के गांव-गांव में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) आयोजित किए जा रहे हैं। यह जानकारी स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी शिव कुमार ने दी। शिव कुमार ने कहा कि स्वीप के तहत आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवगांव में छात्र-छात्राओं को वोट के महत्व से अवगत करवाया गया। छात्रों का बताया गया कि वे अपने अभिभावकों तथा पड़ोस में अन्य लोगों को भी वोट डालने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत लोगों से आग्रह किया गया कि सभी मतदान अवश्य करें ताकि विकास में जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। स्वीप टीम के सदस्यों द्वारा 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के गांव कन्सावाला, सेरा, फुगाना, समाणा, पारनू तथा बुघार में जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों को जानकारी दी गई कि लोकतन्त्र में एक-एक वोट का महत्व है तथा सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग कर स्वस्थ लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। लोगों जानकारी दी गई कि 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं के लिए अपने घर से ही मतदान करने की सुविधा प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 950 से अधिक मतदाताओं वाली संख्या वाले मतदान केन्द्रों के साथ लोगों की सुविधा के लिए सहायक 22 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं ताकि कोविड-19 के दृष्टिगत भीड़ एकत्र न हो। इस अवसर पर लोगों से आग्रह किया गया कि सभी कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए नियमों का पालन करें। लोगों से आग्रह किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और बार-बार अपने हाथ साबून अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से साफ करते रहें।
शिमला में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने का समाचार मिला है। ताजा मामले में शिमला में सर्कुलर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित हो कर सड़क से नीचे गिर गई। जानकारी के अनुसार ब्लॉसम होटल के पास गाड़ी सीएच, 03 आर - 07535 यह दुर्घटना हुई। घायल को उपचार के लिये आईजीएमसी ले जाया गया है। वही पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा अखिल विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के अन्तर्गत गत दिवस सोलन जिला के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी कपिल शर्मा ने दी। कपिल शर्मा ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सीडीपीओ कार्यालय सोलन में 56 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों तथा संरक्षण अधिकारियों को विभिन्न कानूनों की जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों तथा संरक्षण अधिकारियों का इस जानकारी को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में सभी लोगों को विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रह सके। कपिल शर्मा ने कहा कि सीडीपीओ कार्यालय धर्मपुर में डिजिटल माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जागरूक करने के लिए शिविर लगाया गया। शिविर में 51 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कपिल शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से लोगों को विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के सभी विशेषकर कमज़ोर वर्गों तक न्याय पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान को आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवक मण्डलों तथा महिला मण्डलों के सहयोग से सफल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के यू-ट्यूब चैनल DLSA Solan के माध्यम से सोशल मीडिया पर लोगों को विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान की जा रही है। इस चैनल पर गरीबी उन्मूलन के बारे में भी वीडियो अपलोड किया गया है। उन्होंने कहा कि सोलन के पांचों विकास खण्डों सोलन, कण्डाघाट, धर्मपुर, नालागढ़ तथा कुनिहार की सभी 240 ग्राम पंचायतों में इस चैनल पर विधिक जागरूकता से सम्बन्धित वीडियो अपलोड कर साझा किए गए हैं। कपिल शर्मा ने सभी से आग्रह किया कि विधिक सेवाओं के सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन से दूरभाष संख्या 01792-220713 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
डाडा सीबा तहसील के गांव जंबल बस्सी से सोमवार सुबह मच्छलियां पकडने निकला 37 वर्षीय युवक हरनाम सिंह पुत्र गुलाब सिंह के पांग झील में डूबने का मामला सामने आया है। डाडा सीबा पुलिस को इस बारे में सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश द्विवेदी अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे व हर पहलू पर जांच पड़ताल शुरू की। जानकारी के मुताबिक एनडीआरएफ टीम के साथ डाडा सीबा पुलिस पांग झील के बीच हरनाम सिंह को ढूँढ़ने मे जुटी हुई थी। लगभग 2 से 3 दिन के बाद डूबे हरनाम सिंह का शव ब्यास नदी से प्राप्त कर लिया गया है। जानकारी देते हुए पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित परिजनों ने जैसे ही सूचना दी कि हरनाम सिंह सोमवार सुबह मच्छली पकड़ने गया था और वहां पौंग झील में डूब गया है। पुलिस उसी समय से यहां उसकी तालाश में जुटी हुई है। व्यक्ति न मिलने पर मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम जसूर से यहां पहुंची और व्यक्ति की लाश को कड़ी मशक्कत के उपरांत ब्यास नदी से ढूंढ निकाला है। अधिक जानकारी देते हुए एनडीआरएफ इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया की मछुआरे की लाश को काफी मेहनत के उपरांत पांग झील से निकाला गया है। जिसमें एनडीआरएफ की टीम का विशेष योगदान रहा है। खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अकिंत शर्मा ने बताया उक्त मछुआरे की लाश मिल गयी है। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर देहरा अस्पताल पोस्टमॉर्टम हेतु भेज दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मनाली की ऊंची चोटियों सहित लाहौल में कई स्थानों पर हल्का हिमपात हुआ है। मंगलवार रात को रोहतांग में 20 सेंटीमीटर, कोकसर में 10 सेंटीमीटर, नार्थ पोर्टल और सिस्सू में 8 सेंटीमीटर, गोंधला में 6 सेंटीमीटर, दारचा में 10 सेंटीमीटर, शिंकुला में 25 सेंटीमीटर, बारालाचा में 30 सेंटीमीटर, कुंजम में 20 सेंटीमीटर, धुंधी में 5 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। बुधवार सुबह से ही हल्के बादल छाए हैं। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने पर्यटकों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। प्रशासन ने पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया है। हालांकि सुबह 11 बजे के बाद मौसम खुलने से घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है।
ऐतिहासिक प्राचीन गांव मलाणा में बीती रात भयंकर आगजनी से 16 मकान जलकर खाक हो गए है। बीती रात करीब 10:30 बजे गांव के एक मकान में अचानक आग लगी। इसके बाद एक के बाद डेढ दर्जन से ज़्यादा घरों को आग ने अपने आगोश में ले लिया। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने घरों को बचाने के लिए कड़ी मशक्कत करते रहे। वंही गांव के लिए सड़क सुविधा न होने से कारण अग्निशमन विभाग के कर्मचारी घण्टों पैदल चलकर मलाणा गांव पहुँचे। फ़िहलाल आज आग पर काबू पाया गया है। इस आगजनी में करोड़ो रूपये का नुक्सान हुआ है। प्रशासन की तरफ से नुक्सान का आंकलन किया जा रहा है। डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने घटना स्थल पर पहुँच कर नुक्सान का जायजा लिया। पंचायत प्रधान राजू राम ने कहा कि गांव में आगजनी से 20 परिवारों के 80 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए है। उन्होंने कहा कि गांव में आगजनी से करीब डेढ दर्जन मकान जल कर राख हुए है। डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि मलाणा में आगजनी से दर्जनों लकड़ी के काष्ठकुणी शैली के 16 मकान जले है। राजस्व विभाग के अधिकारी नुक्सान का पूरी तरह से आंकलन कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवारों को फौरी राहत और हरसंभव मदद दीं जाएगी।
केन्द्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी, सीएसआईआर के दिशा-निर्देशों के अनुसार पालमपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2021 का आयोजन किया जा रहा है। डॉ. संजय कुमार, निदेशक, सीएसआईआर-आईएचबीटी, पालमपुर हिमाचल प्रदेश द्वारा 26 अक्तूबर को संस्थान के सभी वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं एवं कर्मचारियों को "सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा" शपथ दिलाकर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2021 का शुभारम्भ किया गया। यह सप्ताह 26 अक्तूबर से 1 नवम्बर तक मनाया जाएगा। यह वर्ष 375 सत्यनिष्ठा से आत्मनिर्भरता" विषय पर आधारित है। सप्ताह के शुभारंभ पर डॉ. कुमार ने अपने संबोधन में सभी वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं एवं कर्मचारियों को संदेश दिया कि सभी अपने-अपने कार्यस्थल में कभी किसी गैरकानूनी व भ्रष्टाचार के कार्य को पनपने का अवसर न दें। उन्होंने आगे कहा कि सभी को अपने कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी अपनाने से गुरेज़ नहीं करना चाहिए। इस अवसर पर संस्थान में एक जागरूकता पदयात्रा का भी आयोजन किया गया। इस पूरे सप्ताह में चलने वाले कार्यक्रमों का आयोजन कोविड महामारी के रोकथाम हेतु सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुपालन में ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
पांवटा साहिब : खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ.अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए 27 अक्तूबर को 15 स्थानों पर कोविड-19 टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 27 अक्तूबर को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, ईएसआई मालवा कोटन, डेंटल कॉलेज पांवटा साहिब, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, उप स्वास्थ्य केन्द्र बहराल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखूवाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा, उपस्वास्थ्य केंद्र गिरिनगर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरोग बनेडी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगानी इन सभी स्थानों पर कोविड-19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ.अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील भी की।
नाहन : जिला में पशुओं को सड़कों पर निराश्रित छोड़ने वाले पशु मालिकों केे खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी तथा नाहन शहर की सड़कों पर पशुओं को छोड़ने वाले लोगों का दस हजार रुपये का चालान किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने उपायुक्त कार्यालय में पशुपालन विभाग द्वारा गोवंश संरक्षण हेतु आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। बैठक के दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद नाहन के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहर में टैग लगे निराश्रित पशुओं को माता बाला सुन्दरी गोसदन तथा बिना टैग लगे पशुओं को कोटला बडोग गोशाला राजगढ में दो दिन के भीतर भेजना सुनिश्चित करें ताकि इन निराश्रित पशुओं को संरक्षण प्राप्त हो सके व उनसे होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि गोसदन संचालकों तथा वहां कार्य करने वाले कर्मचारियों को गोबर से बनने वाले उत्पादों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाए ताकि गोसदनों की आय में बढ़ोतरी हो और उनका संचालन सुचारु रुप से किया जा सके। इसके अतिरिक्त उन्होने जिला पंचायत अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी ग्राम सभा में लोगों को गोवंश को सडको पर न छोड़ने बारे जागरुक करें तथा पंचायत स्तर पर कार्यबल भी गठित करें ताकि पशुओं को सड़कों पर छोड़ने वाले लोगों पर कार्यवाही की जा सके। उन्होने कहा कि जिला के सभी गोसदनों की वस्तुस्थिति की रिर्पोट 15 नवंबर तक भेजना सुनिश्चित करें। उन्होने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जो लोग पशुओं को सड़कों पर छोडते है उनके खिलाफ अधिनियम के तहत प्रथम बार में पांच सौ रुपये तथा उसके पश्चात सात सौ रुपये के जुर्माने का प्रावधान है। इस दौरान उपनिदेशक पशुपालन डॉ नीरु शबनम ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा, उपमंडलाधिकारी नाहन रजनेश कुमार, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिमाचल सरकार ने आगामी 1 नवंबर से 6 नवंबर तक स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। मालूम हो कि 4 नवंबर को दिवाली है, जबकि 6 नवंबर को भैया दूज है। बता दें कि 7 नवंबर को रविवार पड़ने के चलते स्कूल 8 नवंबर को खुलेंगे। शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक हिमाचल के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। गौरतलब है कि बीते एक महीने में 550 छात्र कोरोना से संक्रमित पाए हैं। जिसमें से 250 एक्टिव मामले हैं। 27 सितंबर से 25 अक्टूबर तक विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के 556 छात्र संक्रमित पाए गए। सबसे अधिक 196 छात्र हमीरपुर जिले में संक्रमित पाए गए। वहीं, कांगड़ा में 173, ऊना में 104, मंडी में 26, शिमला में 22, किन्नौर में 14, कुल्लू में आठ, बिलासपुर में सात, सोलन में चार, चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों में एक-एक छात्र संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, खास बात यह है कि सिरमौर जिले से एक भी छात्र कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। वहीं, अगर कोरोना का ग्राफ निरंतर घटता चला गया तो आठ नवंबर से पांचवीं से सातवीं कक्षा के लिए भी स्कूल नियमित खुल सकते हैं। बता दें कि आगामी फैसले तक हिमाचल में 8वीं से 12वीं तक के छात्रों की नियमित कक्षाएं चलती रहेंगी।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी में अवैध रूप से बेची जा रही दवाइयों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए दवाइयां जब्त की गई। गुप्त सूचना मिलने पर मुख्यालय बिलासपुर से ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा के साथ आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस के साथ आकर श्री नैना देवी जी में स्थित डोगरा जनरल स्टोर में जब छापा मारा तो उन्हें वहां पर कई प्रकार की दवाइयां मिली। जोकि बिना लाइसेंस से अवैध रूप से बेची जा रही थी। विभाग की टीम ने उन दवाइयों को जब्त कर सेक्शन 18c ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दिया गया। इस पर ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा ने कहा कि गुप्त सूचना मिलने पर श्री नैना देवी जी में स्थित डोगरा जनरल स्टोर पर विभाग की टीम द्वारा रेड डाली गई है। जिसके दौरान उन्हें यहाँ पर दवाइयां प्राप्त हुई हैं। टीम द्वारा उन दवाइयों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया गया है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत लाईनों के मुरम्मत एवं वितरण कार्य के दृष्टिगत सोलन शहर के कुछ क्षेत्रों में 28 अक्तूबर को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियन्ता आर. विदुर ने दी। आर विदुर ने कहा कि इसके दृष्टिगबत 28 अक्तूबर को प्रातः 11.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक राजगढ़ रोड़, नगर निगम कार्यालय, सर्कलुर मार्ग एवं पीडब्ल्यूडी काॅलोनी के कुछ क्षेत्रों, जवाहर पार्क के कुछ क्षेत्रों एवं पालिका बाजार में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
जिला दण्डाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हारी ने 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन के दृष्टिगत आपराधिक दण्ड संहिता 1973 की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आवश्यक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में 27 अक्तूबर की सांय 6.00 बजे से 30 अक्तूबर की सांय 6.00 बजे अथवा मतदान प्रक्रिया समाप्त होने तक कुछ गतिविधियां प्रतिबन्धित की गई हैं। आदेशों के अनुसार 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्र भवनों के 100 मीटर के दायरे में 05 अथवा इससे अधिक व्यक्ति एकत्र नहीं हो सकेंगे। यह आदेश मतदान केन्द्रों पर मतदान के लिए पंक्तिबद्ध मतदाताओं तथा इन परिसरों के आस-पास कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियुक्त कर्मियों पर लागू नहीं होंगे। मतदान केन्द्र की 100 मीटर की परिधि में आग्नेय अस्त्रों, घातक हथियारों, पताका, डंडों और अन्य ऐसी वस्तुओं को लेकर चलने पर पूर्ण पाबन्दी रहेगी। निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त सुरक्षा कर्मियों पर यह प्रतिबन्ध लागू नहीं होगा। इस अवधि में किसी भी प्रकार के प्रचार अभियान, जनसभाओं के आयोजन एवं गैर-कानूनी सभा के आयोजन पर पाबंदी रहेगी। इस अवधि में उम्मीदवार अथवा उनके प्रतिनिधि सहित 5 व्यक्ति ही घर-घर जाकर प्रचार कर सकेंगे। आदेशों के अनुसार इस अवधि में ऐसी सभी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा जो निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा डाल सकती हों। यह आदेश कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने, निर्वाचन प्रक्रिया में संलग्न नियुक्त सरकारी कर्मियों एवं एजेंसियों तथा आवश्यक सेवाएं बहाल रखने के लिए नियुक्त कर्मियों पर लागू नहीं होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन के दृष्टिगत ‘ड्राई डे’ के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। यह आदेश जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा-135-ग, हिमाचल प्रदेश आबाकारी अधिनियम 2011 तथा हिमाचल प्रदेश मदिरा लाइसेंस नियम-1986 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में मतदान की समाप्ति के लिए निर्धारित समय से 48 घण्टे पूर्व से ‘ड्राई डे’ रहेगा। 28 अक्तूबर की सांय 6.00 बजे से 30 अक्तूबर की सांय 6.00 बजे अथवा मतदान की समाप्ति तक की अवधि को ‘ड्राई डे’ घोषित किया गया है। आदेशों के अनुसार 2 नवम्बर अर्थात मतगणना दिवस पर मतगणना प्रक्रिया पूर्ण होने तक भी ‘ड्राई डे’ रहेगा। आदेशों के अनुसार इस अवधि में 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की मदिरा एवं अन्य मादक द्रव्यों की न तो बिक्री होगी और न ही किसी होटल, रेस्तरां, दुकान, सार्वजनिक एवं निजी स्थल इत्यादि में इनकी बिक्री अथवा वितरण की अनुमति होगी। इन आदेशों की अवहेलना पर दोषी को 6 माह तक का कारावास अथवा 2000 रुपए तक जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्तूबर को होने वाले उप निर्वाचन के दृष्टिगत प्रचार अभियान 27 अक्तूबर की सांय 6.00 बजे समाप्त हो जाएगा। इस सम्बन्ध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने भारत के निर्वाचन आयोग एवं हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में 27अक्तूबर की सांय 6.00 बजे से 30 अक्तूबर की सांय 6.00 बजे अथवा मतदान की समाप्ति तक उन राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं, चुनाव अभियान में संलग्न कार्यकर्ताओं की उपस्थिति प्रतिबन्धित रहेगी जिन्हें चुनाव प्रचार के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र के बाहर से लाया गया है एवं जो इस विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं। ऐसे सभी व्यक्तियों को अर्की विधानसभा क्षेत्र से बाहर जाना होगा क्योंकि प्रचार अभियान समाप्त होने के उपरान्त क्षेत्र में उनकी उपस्थिति से स्वतन्त्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि मतदान केन्द्र की 100 मीटर की परिधि एवं मतदान केन्द्र के भीतर प्राधिकृत निर्वाचन एवं पुलिस कर्मियों के अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन, कोर्डलेस फोन, वायरलेस फोन अथवा ऐसे किसी भी उपकरण को साथ रखने अथवा प्रयोग करने की अनुमति नहीं होगी जिससे कि ध्वनि का प्रसार किया जा सकता हो। मतदान केन्द्र की 200 मीटर की परिधि में किसी भी राजनीतिक दल का बूथ स्थापित नहीं किया जा सकेगा। आदेशों के अनुसार मतदान की समाप्ति के लिए निर्धारित समय से 72 घण्टे पूर्व से निर्वाचन क्षेत्र में लाउडस्पीकर के प्रयोग की अनुमति नहीं होगी।
कृषि विभाग विकासखंड सुजानपुर द्वारा ग्राम पंचायत दाड़ला के गांव मिहाड्डपुर में प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत दो दिवसीय किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता ग्राम पंचायत दाडला की प्रधान रेखा कुमारी, उप प्रधान जगन कटोच द्वारा की गई। इसमें 50 किसानों ने भाग लिया। कृषि विभाग से परियोजना निदेशक नीति सोनी, उप परियोजना निदेशक राजेश शर्मा, तकनीकी प्रबंधक नैंसी ठाकुर, सहायक तकनीकी प्रबंधक अतुल कपूर, मास्टर ट्रेनर बलदेव सिंह राणा, तरलोक चँद ने किसानों को प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व के बारे में बताया और मिश्रित खेती पर भी जानकारी दी। किसानों को पैन कार्ड मास्क दिए गए। मास्टर ट्रेनरों ने कृषि संबंधी तमाम बातों को विस्तार से बताया। शिविर के दौरान कीटनाशक बनाना भी सिखाया गया। शिविर के अंत में मौसमी सब्जियों के बीज भी वितरित किए गए।
लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हिमाचल के हमीरपुर में सक्रिय रूप से काम करने वाली संस्था एक्ट टू ट्रांसफॉर्म फाउंडेशन (ए टी एफ) ने स्वच्छता, स्वास्थ्य, आजीविका आदि जैसे विविध मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने के लिए 23 से 26 अक्टूबर तक कार्यशालाओं की एक श्रृंखला का सुजानपुर चौरी में सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजन किया। एक्ट टू ट्रांसफॉर्म कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर के क्षेत्र में समाज सेवी कार्यों का आयोजन कर रही है। आज एनवायरनमेंट सैनिटेशन इंस्टिट्यूट (इ एस ई), गुजरात के अतिथि वक्ताओं को सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चौरी में जीवन कौशल, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों पर सत्र आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया गया था। प्रो. विनय त्रिवेदी ने छात्रों को नैतिकता, संबंधों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर परामर्श दिया। माता-पिता को याद करते हुए छात्र भावुक हो गए। उन्होंने अपने शिक्षकों के पैर छुए, उन्हें गले लगाया और उन्हें धन्यवाद दिया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय देहरा परिषद इकाई ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय कुलपति डॉ सत प्रकाश बंसल को विश्वविद्यालय में लंबित मांगों हेतु मांग पत्र सौंपा। ईकाई उपाध्यक्ष चन्दन ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि नॉन सब्सिडाइजड सीटों के नाम पर विश्वविद्यालय द्वारा पर सैमैस्टर 50 हजार फीस वसूली जा रही है जोकि छात्र हित में नहीं है। यह सीधे तौर पर शिक्षा का व्यापारी करण है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यह मांग करती है कि नॉन सब्सिडाइज्ड के नाम पर विद्यार्थियों को लूटना बंद किया जाए तथा इस भारी-भरकम फीस को जल्द से जल्द कम किया जाए। साथ में ही छात्रों के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए छात्र संघ चुनाव भी जल्द से जल्द करवाएं जाएं।


















































