चम्बापतन स्थित गांव फेरा ब्यास नदी के बीच डूबे दो मासूम छात्रों की तलाश में जुटी 16 सदस्यों की एनडीआरएफ टीम व देहरा पुलिस द्वारा 36 घण्टे की कडी मशक्कत के बाद सोमवार को एक बच्चे की डैड बॉडी ढूँढ़ निकालने में सफलता हाथ लगी है, जबकि उसके साथ डूबे अन्य दूसरे छात्र की डैड बाडी को ढूँढ़ने का सर्च अभियान अभी चल रहा है। एसडीएम देहरा धनबीर सिंह ठाकुर, डीएसपी अकिंत शर्मा ने घटना स्थल पर पहुंच कर स्तिथि का जायज़ा लिया। नदी के बीच डूबे दोनों युवक गरली स्कूल के ग्यारवीं के छात्र बताए जा रहे है। बताते चले शनिवार सुबह करीब 9 बजे गांव कठियाडा का 16 वर्षीय अंशुल जस्वाल सुपुत्र वीरेंद्र कुमार घर से स्कूटी पर यह कहकर निकला था कि वह अपने अधार कार्ड को अपडेट करवाएगा लेकिन दोस्तों के साथ वह डूबकी लगाने हेतु ब्यास नदी चले गए। इस दौरान आयुष अंशुल जस्वाल नहाने के लिए नदी मे कूद गए लेकिन पानी का बहाव तेज़ होने के चलते वह नदी में दुब गए। खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि सोमवार को नदी के बीच डूबे गरली के आयूश सुपुत्र राजपाल की डैड बाडी निकाल ली गई है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 5 नवंबर को ज्वालामुखी में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। इसके बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा और महासचिव एडवोकेट अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि प्रधानमंत्री 5 नवंबर को केदारनाथ में श्री आदि शंकराचार्य की मूर्ति का अनावरण करेंगे और पूरे देश में वर्चुअल माध्यम से लोगों से जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि आदि शंकराचार्य ने अपने जीवन में जहां-जहां भ्रमण किया है, उन सभी स्थानों पर प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। इसी तरह से ज्वालामुखी में भी यह स्थान चिन्हित किया गया है जहां आदि शंकराचार्य कभी पधारे थे। यहां पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद किशन कपूर, स्थानीय विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन ज्वालामुखी मंदिर के नजदीक ही किया जायगा। इस संदर्भ में स्थानीय विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने कहा कि ज्वालामुखी क्षेत्र की जनता के लिए यह बड़े सौभाग्य की बात है कि इतने बड़े आदि शंकराचार्य कभी यहां देवभूमि ज्वालामुखी में पधारे होंगे और आदि शक्ति मां ज्वालामुखी के उन्होंने दर्शन किए होंगे।
पूर्व मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जीएस बाली के आकस्मिक निधन पर ठाकुर सुरेंद्र सिंह मकोटिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा पूर्व मंत्री जीएस बाली आम जनता का दुख दर्द समझते थे तथा उनके द्वारा हिमाचल हित के लिए किया गया कार्य भुलाया नहीं जा सकता। नगरोटा निर्वाचन क्षेत्र से वे चार बार विधायक रहे। दो बार हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री रहे। प्रदेश के विकास में उनका अत्यधिक महत्वपूर्ण योगदान रहा है। परिवहन मंत्री के रूप में उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ते हुए प्रदेश में बसों का बेड़ा खड़ा किया है।उन्होंने कहा कांग्रेस कमेटी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वह दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने करने की शक्ति दे।
विद्युत उपमण्डल शांतला के सहायक अभियंता होशियार सिंह धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 2 नवबंर को भरोली जदीद स्थित 33/11 केवी उपकेंद्र में सीटीपीटी यूनिट में कुछ तकनीकी कार्य के दृष्टिगत ग्राम पंचायत भरोली जदीद, कटोह टिक्कर, दोदूँ ब्रह्मणा, कौलापुर, पीरसलूही, शांतला, अलोह पूननी, गुडारा चपलाह, सरड डोगरी, कुडना, चौली, रक्कड़, कूहना के विद्युत उपभोक्ताओं की आपूर्ति सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे तक बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि उक्त रोज मौसम खराब रहने की सूरत में यह कार्य अगले दिन 3 नवंबर को सम्पन्न करवाया जाएगा। उन्होंने समस्त विद्युत् उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
राजकीय महाविद्यालय ज्वालाजी में स्किल इंडिया व कॉमर्स सोसाइटी के सौजन्य से दीपावली के विशेष अवसर पर सेफ दिवाली व ग्रीन दिवाली को ध्यान में रखते हुए रंगोली, पेंटिंग, नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग व दीप सजावट पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्किल इंडिया द्वारा प्रायोजित एड-ऑन कोर्स और महाविद्यालय के लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.सीमा शर्मा, प्रो.नीलम शर्मा, एड ऑन कोर्स अधिकारी डॉ.जसपाल राणा, प्रो.यश पाल व स्किल इंडिया इंस्ट्रक्टर पूजा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री जीएस बाली का शुक्रवार देर रात को निधन हो गया है। जीएस बाली 67 वर्ष के थे। पिछले कुछ समय से वह लगातार अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के एम्स में उपचाराधीन थे। वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे रघुवीर सिंह बाली ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उनके निधन की सूचना दी है। जीएस बाली का जन्म 27 जुलाई 1954 को हुआ था। वह नगरोटा बगवां से चार बार विधायक और दो बार मंत्री रहे। बाली 1990 से 1997 तक कांग्रेस के विचार मंच के संयोजक, सेवादल के अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव जैसे पदों पर रहे।1998 में पहली बार नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। 2003, 2007 और 2012 में यहां से लगातार जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे। 2003 और 2007 में वह मंत्री रहे। प्रदेश में हो रहे चार उपचुनाव में मंडी उपचुनाव में जीएस बाली को बतौर प्रभारी नियुक्त किया गया था, लेकिन उसके बाद से वह अस्वस्थ चल रहे थे। प्राप्त जानकारी अनुसार एम्स में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। शुक्रवार रात को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, इसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। शनिवार को उनकी पार्थिव देह कांगड़ा लाई जा रही है।
गांव बगली का शुभम पुत्र प्रीतम चन्द के पैरामिल्ट्री में एसआई बनने पर इलाके भर मे जश्न का महौल है। पैरामिल्ट्री में एसआई बनने के बाद पहली बार अपने घर पहुंचे शुभम कुमार का लोगों ने भव्य स्वागत किया। कहा जा रहा है कि शुभम कुमार तीन भाई है,तीनो ही पैरामिल्ट्री में तैनात होकर देश की सेवा मे जुटे हुए है। बता दें कि शुभम वर्ष 2013 में बीएसएफ में भर्ती हुआ था। शुभम कुमार के एसआई बनने पर घर में बधाईओं का तांता लगा हुआ है।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आज फतेहपुर विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के लिए ड्यूटी पर आई चुनाव पर्यवेक्षक डॉ प्रतिभा सिंह ने विधिपूर्वक पूजा अर्चना की और मां ज्वालामुखी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर अधिकारी ने उन्हें माता की चुनरी, तस्वीर, प्रसाद और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। मंदिर के पुजारी ने उन्हें मंदिर के इतिहास के बारे में बताया राजस्थान से संबंधित आईएएस अधिकारी डॉक्टर प्रतिभा सिंह ने बताया कि उन्हें मंदिर में आकर काफी सुकून मिला है और बहुत अच्छा लगा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश निश्चित तौर पर देवभूमि है और उन्हें हिमाचल में हो रहे उपचुनाव के लिए बतौर पर्यवेक्षक के रुप में आने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में माहौल शांतिपूर्ण है और शांतिपूर्वक मतदान होगा l
हिमाचल में इन दिनों बहुत से स्कूली छात्र कोरोना पॉजिटिव आ रहे हैं। प्रदेश में छात्रों के बीच बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत गुम्मर की प्रधान शिमला देवी ने चिंता व्यक्त की है।उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द से जल्द बच्चों के बीच में कोरोना संक्रमण को न रोका गया तो इसका भरसक परिणाम देखने को मिल सकते हैं। शिमला देवी ने सरकार से आग्रह किया है कि जल्द ही 18 साल से नीचे उम्र वाले छात्रों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जाए। जिससे बच्चों के बीच कोरोना संक्रमण को रोका जा सके। शिमला देवी ने कहा कि हिमाचल के छात्रों को कोविड वैक्सीन लगाने का युद्धस्तरिय अभियान छेड़ना चाहिए। अगर छात्रों को वैक्सीन लग जाती है तो अभिभावकों की आदी चिंता खत्म हो जाएगी। वैसे ही बीते 2 साल से स्कूल बंद होने की वजह से छात्रों की शिक्षा पर खास नुकसान पहुंचा है। शिमला देवी का कहना है कि स्कूल बंद करना कोरोना संक्रमण रोकने का उपाय नहीं है। स्कूल बंद करने से अच्छा है कि कोविड वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू किया जाए। जगह-जगह वैक्सीन कैंप लगाकर बच्चों को वैक्सीन लगानी चाहिए। सरकार इस बात पर विशेष ध्यान दें ताकि छात्रों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की परेशानी न आये।
राजकीय महाविद्यालय मटौर में बीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य के संदर्भ में विशेष कार्क्रम का आयोजन किया गया। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के मनोविज्ञान विभाग के आचार्य डॉक्टर मोनिका मक्कड़ व पूजा दीवान रीसॉर्स पर्सन रहे। डॉक्टर मोनिका मक्कड़ ने मानसिक स्वास्थ्य एवं संवेगात्मक बुद्धिमत्ता विषय पर विद्यार्थियों को सम्बोधित किया तथा विस्तार से आत्म जागरूकता, सामाजिक जागरूकता, सहानुभूति एवं सामाजिक कौशल के प्रयोग से विद्यार्थी अपने व्यवहार को कैसे सुधार सकते हैं, इस सन्दर्भ में उन्हें अवगत करवाया। उन्होंने यह भी बताया की व्यक्ति के जीवन में अपने संवेगों को समझने के साथ साथ वे दूसरों के संवेगों को किस प्रकार समझ सकते हैं। आज की इस भाग-दौड़ के जीवन में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ साथ मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। आचार्य पूजा दीवान ने “ख़ुशियों का चुनाव” विषय पर अपने विचार विद्यार्थियों से साँझा किए। उन्होंने इस विषय पर प्रकाश डाला कि किस प्रकार छोटे छोटे परिवर्तन हमारे जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन की ख़ुशी के लिए स्वयं उत्तरदायी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव से मुक्त रहकर जीवन को सकारात्मक रूप से जीने के उपाय भी सुझाए। महाविद्यालय की प्राचार्या शुभ्रा गुप्ता जी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जीवन में ख़ुश रहना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सोच को सकारात्मक रखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम के सयोंजक प्रो. रजनी शर्मा एवं डॉक्टर. अतुल आचार्य ने भी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा महाविद्यालय की ओर से पौधे भेंट किए।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में शुक्रवार को फतेहपुर विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के लिए ड्यूटी पर आई चुनाव पर्यवेक्षक डॉ प्रतिभा सिंह ने विधिपूर्वक पूजा अर्चना की और मां ज्वालामुखी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उनके साथ निरीक्षक खाद्य आपूर्ति नूरपुर से अजय कुमार, ए एस आई ज्वाली राजकुमार, मंदिर अधिकारी तहसीलदार दीनानाथ व अन्य कई लोग उपस्थित थे। मंदिर अधिकारी ने उन्हें माता की चुनरी, तस्वीर, प्रसाद और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। मंदिर के पुजारी ने उन्हें मंदिर के इतिहास के बारे में बताया राजस्थान से संबंधित आईएएस अधिकारी डॉक्टर प्रतिभा सिंह ने बताया कि उन्हें मंदिर में आकर काफी सुकून मिला है और बहुत अच्छा लगा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश निश्चित तौर पर देवभूमि है और उन्हें हिमाचल में हो रहे उपचुनाव के लिए बतौर पर्यवेक्षक के रुप में आने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में माहौल शांतिपूर्ण है और शांतिपूर्वक मतदान होगा l
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ जिला कांगड़ा के अंग्रेजी विभाग द्वारा शुक्रवार को अध्ययन गोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्ययन गोष्ठी का मुख्य विषय महिला सशक्तिकरण रहा। अध्ययन गोष्ठी की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनिल डोगरा द्वारा की गई। साथ ही इसका नियोजन अंग्रेजी विभाग की मुखिया सुषमा कुमारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उक्त विभाग के बहुत से बच्चों ने बढ़-चढ़कर व उत्साहपूर्ण तरीके से भाग लिया। छात्रों में बीए पहले वर्ष की छात्रा प्रिया, बीए द्वितीय वर्ष के अंकित कुमार व बीए तृतीय वर्ष से प्रिया कुमारी, प्रिया देवी और प्रीति द्वारा अपने विचार रखे गए और शोध पेपर भी प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही अध्यापकों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया, उन्होंने भी अपने शोध पेपर प्रस्तुत किए। कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनिल डोगरा ने महिलाओं की तुलना साक्षात् भगवान से की। उन्होंने कहा कि महिला ही इस संसार को जन्म देती है, उसको पालती और उसका पोषण करती है। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति को अच्छे कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
काँगड़ा किक बॉक्सिंग एसोसिएशन की बैठक वीरवार शाम गंगा मुक्ति धाम काँगड़ा में अध्यक्ष डॉ पवन पटियाल और मुख्य सचिव संजय कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें सर्वसमति से समुराई फीटनेस सेंटर डाडा सीबा के निदेशक पवन कुमार को काँगड़ा किक बॉक्सिंग एसोसिएशन का उपाध्यक्ष और गुरदीप सिंह गांव बैह को सहसचिव नियुक्त किया गया। इस बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि जल्द ही काँगड़ा में जिला स्तरीय चैंपियनशिप भी करवाई जाएगी। वहीं आगामी कार्यकारणी को सुचारू रूप से चलाने और किक बॉक्सिंग को प्रदेश के कोने-कोने में पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पवन कुमार ने बताया की उनका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर के खेल के प्रति उनकी रूचि बढने का रहा है और जल्द ही उपमंडल देहरा के खिलाडी जिला स्तरीय चैंपियनशिप में भाग लेंगे।
सरकारी बसों की तर्ज पर भैयादूज के दिन यानि 6 नवंबर को ठाकुर बस सर्विस मे भी तमाम बहनें फ्री सफर कर सकेगी। जसवां परागपुर की पंचायत कसबा जगीर के समाजसेवी व ठाकुर बस सर्विस के मालिक मुकेश ठाकुर ने तमाम बहनो को मुफ्त बस सेवा देने का ऐलान किया है। इन्होने कहा कि ठाकुर बस सर्विस की सभी बसें जो जिला काँगड़ा के भिन्न भिन्न रुटो पर चलती है, उक्त तमाम बसो मे बहनो के लिए फ्री सुविधा दी जाएगी। गौरतलब है कि कोरोना संकटकाल में विगत करीब 6 महीनो से लगातार समाजसेवी मुकेश ठाकुर जसवां-परागपुर की 78 पंचायतों में गरीब, लाचार परिवारों की निशुल्क सेवा करते आ रहे है। इस दौरान राशन वालों को खाद्य पदार्थ, बीमारी से पीड़ित के उपचार पर नगद राशी व गरीब कन्याओं की शादी पर धाम का राशन मुहैया करवा रहे है और इसके साथ ही कॉलेज और स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को किताबें मुहैया करवा रहे हैं।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते वार्ड नम्बर-6 हनुमान मंदिर बुधवार देर शाम नारकोटिक सैल कांगड़ा की टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर हनुमान मन्दिर के शमशान घाट देहरा के पास रेन शैल्टर के बैंच पर बैठे एक 36 वर्षीय व्यक्ति के पास 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
प्रदेश में 4 उपचुनावों के चलते आज शाम 5 बजे शराब के ठेके बंद कर दिए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों से जुड़े 20 विधानसभा क्षेत्रों में पांच बजे से 48 घंटे तक चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगने जा रहा है। यह प्रतिबंध मतदान के दिन 30 अक्तूबर तक शाम पांच बजे तक रहेगा। इसके बाद 2 नवंबर को मतगणना के दिन भी शराब की ब्रिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। संबंधित क्षेत्रों में आने वाले होटल, रेस्टोरेंट, क्लब में शराब की बिक्री व वितरण पर रोक रहेगी। निर्वाचन अधिकारियों की ओर से इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के मुताबिक उपचुनावों से जुड़े लोकसभा और विस क्षेत्रों में प्रतिबंध एक साथ लागू होगा। यदि कहीं पर भी शराब की दुकान से बिक्री होते मिली तो उसका लाइसेंस रद्द किया जाएगा। इस बाबत निर्वाचन अधिकारियों ने सभी मजिस्ट्रेट, एडीएम, एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि संसदीय क्षेत्र मंडी में 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। सदर मंडी, करसोग, सुंदरनगर, नाचन, सराज, द्रंग, जोगिंद्रनगर, बल्ह, सरकाघाट, भरमौर, लाहौल-स्पीति, मनाली, कुल्लू, बंजार, आनी, रामपुर और किन्नौर शामिल हैं। जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर और अर्की में भी उपचुनाव हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के चंगर इलाके की खूंडिया से पीहड़ी ग्लोटी सड़क बाया नहालिया की हालत दयनीय हो गई है। जगह-जगह पर सड़क में गड्ढे बने हुए हैं, जिससे लोगों का इस मार्ग से आना-जाना मुश्किल हो गया है। इसी के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर यातायात सुविधा भी बहुत कम है। इस सड़क पर कई बार सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। लोगों ने कई बार इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग से शिकायत भी की है, परंतु किसी ने कोई सुनवाई नहीं की है। सड़कों की दयनीय हालत के चलते राहगीरों को भारी परेशानियों उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता देहरा दिनेश कुमार से आग्रह किया है कि इस सड़क की हालत सुधारी जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस संदर्भ में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग देहरा दिनेश कुमार ने बताया कि शीघ्र ही इस सड़क की दशा को सुधारा जाएगा ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। स्थानीय विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने कहा कि इस सड़क की दशा सुधारी जाएगी।
जसवां:परागपुर के गांव नाहन नगरोटा में बिजली के पोल से लगी स्टे तार में अचानक कंरट लगने पर एक गर्भवती गाय की दर्दनाक मौत गई। यह दर्दनाक हादसा बुधवार देर सांय पेश आया। दरसल जब यशपाल शर्मा का छोटा बेटा अपनी गाय को घास चराकर वापिस अपने घर आ रहा था तो उक्त गाय यहां सड़क किनारे बिजली की मैन सप्लाई के लिए लगाए गए खम्बे की स्टे तार को टच करते ही कंरट लगने से धड़ाम होकर नीचे जमीन पर गिर गई और गाय की मौके पर ही मौत हो गई। गाय की मालकिन सुमना देवी ने बताया कि यहा बिजली के खम्बे के साथ लगी स्टे तार मे बिजली का करंट इतना जयादा था की था कि गाय इसकी चपेट में आ गई। लोगो का आरोप है कि जहाँ यह हादसा हुआ है वह ग्रामीण आबादी वाला इलाका है। इस सम्पर्क मार्ग से गांव के ज्यादा तर ग्रामीण स्कूली बच्चे निकलते है। इस बारे जब बिजली बोर्ड परागपुर मे तेनात एसडीओ मन्जीत सिह से बात हुई तो उन्होंने कहा कि पता चलते ही मौके पर जेई को भेजा गया है उक्त खम्बे मे बिजली का कंरट कैसे आया इसकी भी जांच की जा रही है ताकि भविष्य मे दुबारा कोई हादसा न हो।
जयसिंहपुर उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत लंबागांव में आशापूरी रामलीला कला मंच क्लब लोअर लंबागांव में राम लीला का समापन हुआ। इस मौके पर जयसिंहपुर के जिला परिषद संजीव ठाकुर उपस्थित रहे। लंबागांव की रामलीला 14 दिन तक चली। रामलीला के डारेक्टर रिटायर अध्यापक मेयर चंद के साथ राम लीला कला मंच के क्लब के सभी साथियों ने उनका सहयोग दिया। लंबागांव राम लीला के सम्मापन पर जिला परिषद संजीव ठाकुर के साथ ग्राम पंचायत लंबागांव के प्रधान सुमन मेहर, उप प्रधान हरि दास, बीडीसी सदस्य अनिता सूद के साथ पंचायत के सभी सदस्य के साथ गांव के लोग उपस्थित रहे।
डाडा सीबा तहसील के गांव जंबल बस्सी से सोमवार सुबह मच्छलियां पकडने निकला 37 वर्षीय युवक हरनाम सिंह पुत्र गुलाब सिंह के पांग झील में डूबने का मामला सामने आया है। डाडा सीबा पुलिस को इस बारे में सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश द्विवेदी अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे व हर पहलू पर जांच पड़ताल शुरू की। जानकारी के मुताबिक एनडीआरएफ टीम के साथ डाडा सीबा पुलिस पांग झील के बीच हरनाम सिंह को ढूँढ़ने मे जुटी हुई थी। लगभग 2 से 3 दिन के बाद डूबे हरनाम सिंह का शव ब्यास नदी से प्राप्त कर लिया गया है। जानकारी देते हुए पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित परिजनों ने जैसे ही सूचना दी कि हरनाम सिंह सोमवार सुबह मच्छली पकड़ने गया था और वहां पौंग झील में डूब गया है। पुलिस उसी समय से यहां उसकी तालाश में जुटी हुई है। व्यक्ति न मिलने पर मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम जसूर से यहां पहुंची और व्यक्ति की लाश को कड़ी मशक्कत के उपरांत ब्यास नदी से ढूंढ निकाला है। अधिक जानकारी देते हुए एनडीआरएफ इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया की मछुआरे की लाश को काफी मेहनत के उपरांत पांग झील से निकाला गया है। जिसमें एनडीआरएफ की टीम का विशेष योगदान रहा है। खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अकिंत शर्मा ने बताया उक्त मछुआरे की लाश मिल गयी है। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर देहरा अस्पताल पोस्टमॉर्टम हेतु भेज दिया गया है।
केन्द्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी, सीएसआईआर के दिशा-निर्देशों के अनुसार पालमपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2021 का आयोजन किया जा रहा है। डॉ. संजय कुमार, निदेशक, सीएसआईआर-आईएचबीटी, पालमपुर हिमाचल प्रदेश द्वारा 26 अक्तूबर को संस्थान के सभी वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं एवं कर्मचारियों को "सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा" शपथ दिलाकर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2021 का शुभारम्भ किया गया। यह सप्ताह 26 अक्तूबर से 1 नवम्बर तक मनाया जाएगा। यह वर्ष 375 सत्यनिष्ठा से आत्मनिर्भरता" विषय पर आधारित है। सप्ताह के शुभारंभ पर डॉ. कुमार ने अपने संबोधन में सभी वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं एवं कर्मचारियों को संदेश दिया कि सभी अपने-अपने कार्यस्थल में कभी किसी गैरकानूनी व भ्रष्टाचार के कार्य को पनपने का अवसर न दें। उन्होंने आगे कहा कि सभी को अपने कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी अपनाने से गुरेज़ नहीं करना चाहिए। इस अवसर पर संस्थान में एक जागरूकता पदयात्रा का भी आयोजन किया गया। इस पूरे सप्ताह में चलने वाले कार्यक्रमों का आयोजन कोविड महामारी के रोकथाम हेतु सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुपालन में ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय देहरा परिषद इकाई ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय कुलपति डॉ सत प्रकाश बंसल को विश्वविद्यालय में लंबित मांगों हेतु मांग पत्र सौंपा। ईकाई उपाध्यक्ष चन्दन ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि नॉन सब्सिडाइजड सीटों के नाम पर विश्वविद्यालय द्वारा पर सैमैस्टर 50 हजार फीस वसूली जा रही है जोकि छात्र हित में नहीं है। यह सीधे तौर पर शिक्षा का व्यापारी करण है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यह मांग करती है कि नॉन सब्सिडाइज्ड के नाम पर विद्यार्थियों को लूटना बंद किया जाए तथा इस भारी-भरकम फीस को जल्द से जल्द कम किया जाए। साथ में ही छात्रों के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए छात्र संघ चुनाव भी जल्द से जल्द करवाएं जाएं।
विकास खंड देहरा की ग्राम पंचायत धवाला में कोरोना पोजिटिव मामले सामने आने के पश्चात संबंधित क्षेत्र एवं ग्राम पंचायत धवाला के वार्ड 6,7,8,9 तक पूरी तरह से बंद रहेगा। एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर ने यह जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना के एक साथ कई मामले आने की वजह से प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा। कोविड-19 के संक्रमण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा लोगों की सुरक्षा के दृष्टिगत ग्राम पंचायत धवाला के वार्ड 6 से 9 तक पूर्ण क्षेत्र कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसके तहत सम्बंधित क्षेत्र आगामी 3 दिनों तक पूर्णतः बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में प्रतिबन्ध लागू रहेगा, जिसमें नियमों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में आम लोगों तथा वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण रोक रहेगी। जबकि मेडिकल इमरजेंसी मेडिकल सहित आवश्यक सेवाओं में तैनात कर्मचारी तथा लोग विशेष अनुमति के साथ आवाजाही कर सकेंगे। एसडीएम ने बताया कि माइक्रो कंटेनमेंट जोन में सभी लोग अपने घरों में रहे तथा निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करें। आदेशों की अवहेलना करने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसडीएम ने कहा कि इस दौरान सभी लोगों को मास्क अथवा फेस कवर लगाना जरूरी होगा। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के सभी लोगों को आरोग्य सेतु एप्प डाउनलोड करना भी जरूरी होगा।
रक्कड़ के तहत पड़ते लोटस इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल में मंगलवार को रक्कड़ पुलिस के सौजन्य से नशा निवारण भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें सानिया, अदिति, नैंसी, निशिका, कशिश ठाकुर, यशिता, आरुषि, पलक, अक्षिता इत्यादि छात्राओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने नशा मुक्ति पर अपने-अपने विचार प्रकट किए, नशे से होने वाली हानियों के बारे में वहां मौजूद जनता को बताया। सभी बच्चों ने एक से बढ़कर एक भाषण दिए। बच्चों में नशे के प्रति इतनी जागरूकता देखकर मुख्य अतिथि एसएचओ रक्कड़ चिरंजीलाल शर्मा और उनके साथ आए हुए सभी सहकर्मी भी दंग रह गए। सभी प्रतिभागियों का प्रदर्शन बहुत ही बढ़िया रहा। भाषण प्रतियोगिता में सान्या प्रथम, अदिति द्वितीय, नैन्सी तृतीय स्थान पर रही। रक्कड़ थाना प्रभारी चिरंजीलाल शर्मा ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम सब को मिलकर नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सबको एक होना पड़ेगा तथा नशे के नुकसान से लोगो को जागरुक करना पड़ेगा।
युवा सेवा एवं खेल विभाग के तत्वाधान में शिव शक्ति युवा क्लब भटेड वासा द्वारा आयोजित ब्लॉक स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज देहरा में पूरे हर्षोउल्लास के साथ किया गया। इस ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथि पहुंची जीडीसी देहरा की प्रधानाचार्य डॉक्टर अंजू चौहान ने सर्वप्रथम दीप प्रज्ववलन कर कार्यक्रम की शुरुवात की। वहीं ढलियारा कॉलेज के सौजन्य से सरस्वती वंदना की प्रस्तुति पेश की गई। कार्यक्रम में विशेष रूप से अतिथि पहुंचे नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने प्रतिभागियों का खूब मनोबल बढ़ाया। वहीं प्रतियोगिता में बतौर निर्णायक मण्डल की भूमिका मशहूर लोकगायक विवेक राणा, कॉमेडियन प्रिंन्स गर्ग व गायन कला से गुणी पुष्पेंदर चौहान ने निभाई। कार्यक्रम में मंच संचालन कर देहरा के पत्रकार विनायक ठाकुर ने किया। इस खण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न कार्यक्रमो का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम लोकनृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर जीडीसी ढलियारा(आर्ट्स ग्रुप) व उपविजेता जीडीसी ढलियारा(साइंस ग्रुप)रही। वहीं लोकगीत में आरती एंड टीम विजेता व उपविजेता जीडीसी ढलियारा(आर्ट्स ग्रुप) टीम रही। वाद्ययंत्र प्रतियोगिता में सितार वादक अक्षय कुमार विजेता व उपविजेता सितार वादक आकाश रहे व बांसुरी वादक वरुण कुमार भी इस कार्यक्रम में विजेता रहे। इस दौरान शिव शक्ति युवा क्लब के तमाम पदाधिकारी व यूथ वालंटियर वैशाली कौंडल मौजूद रही। क्लब के अध्यक्ष बाबू राम ने बताया कि कार्यक्रम एक से बढ़ कर एक प्रस्तुतियां प्रतिभागियों द्वारा पेश की गई।
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ती तहसील खुंडिया के तहत देहरू पँचायत का एक गाँव मतेहड़ के लोग आज भी श्मशान घाट में शेड न होने की सुविधा से महरूम है। उक्त पँचायत के तहत पड़ते गाँव में विकास के नाम पर लोग आज भी सरकार को खूब कोस रहे है। बीते रविवार को खुंडिया तहसील की सबसे उम्र दराज महिला 103 वर्षीय जय देइ की मृत्यु हो गयी थी। वहीं उसी दिन भारी वर्षा में मज़बूरन वश बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार करना पड़ा। पूरे दिन भर तेज़ वर्षा होने के कारण उनके अंतिम संस्कार में लोगों ने कड़ी मशककत के उपरांत अंतिम संस्कार किया। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार सरकार व पंचायत से डोडा में श्मशान घाट शेड बनाने की अपील की जा चुकी है। परन्तु प्रशासन एवम पंचायत के कान में जूं तक नहीं रेंगी है। कैप्टेन अमर सिंह ने बताया है की यह श्मशान घाट समस्त खुन्डिया क्षेत्र में सबसे बड़ा श्मसान घाट शेड है और आज दिन तक कोई रेन शेड न होने के कारण अंतिम संस्कार करने आये लोगों को भारी समस्यों का सामना करना पड़ता है। इस संदर्भ में प्रधान देहरु पँचायत आशा देवी से बात की गई उन्होंने बताया कि आचार सहिंता के खत्म होते ही श्मशान घाट में शेड का कार्य करवाया जाएगा। इस श्मशान घाट की ओर जाने के लिए रास्ता भी नहीं है, उसको बनाने का समाधान भी जल्द ही किया जाएगा।
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के मझीन से टिहरी बाया दिलोंह रोड की हालत अत्यंत खराब हो गई है। जगह-जगह सड़क पर खड्डे बने हुए हैं। जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। आए दिन यहां सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जिससे कई बार लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कई बार इसकी शिकायत की गई, परंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की हालत खराब होने की वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। सड़कें बदहाल होने की वजह से लोगों के वाहनों की हालत खराब हो रही है। क्षेत्र के समाजसेवी संजय धीमान ने बताया कि सड़क खराब होने की वजह से लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। यहां पर यातायात सुविधा भी पर्याप्त नहीं है। परंतु सरकार और लोक निर्माण विभाग प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि चंगर क्षेत्र की सभी सड़कों की हालत सुधारी जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। वही लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि शीघ्र ही इस सड़क की दशा ठीक कर दी जाएगी ताकि लोगों को सहूलियत मिल सकेl
धर्मशाला: फतेहपुर, रियाली तथा तियोड़ा में धान खरीद को लेकर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर आज एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त डॉ.निपुण जिंदल ने की। उपायुक्त ने एफसीआई तथा एपीएमसी के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ धान खरीद को लेकर किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। डॉ.निपुण जिंदल ने एपीएमसी के अधिकारियों को रियाली धान खरीद केन्द्र में तीन दिन के भीतर टीन शेड का निर्माण करने के निर्देश दिए ताकि किसानों की फसल को आंधी तथा बारिश से बचाया जा सके। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को तियोड़ा धान खरीद केन्द्र में पंखों की उचित उपलब्धता, सभी धान खरीद केन्द्रों में बिजली की सुचारू व्यवस्था, बड़े तिरपाल, मजदूरों की संख्या में बढ़ौतरी, धान को ट्रांस्पोर्ट करने, पीने के पानी की उचित व्यवस्था तथा शौचालयों की सफाई इत्यादि के बारे में उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने एसडीएम इन्दौरा सोमिल गौतम को धान खरीद केन्द्र तियोड़ा में जाकर वहां की व्यवस्थाओं को जांचने के निर्देश दिये। इस दौरान अधिकारियों ने धान खरीद को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर, एफसीआई के मंडलीय प्रबंधक विशाल गुप्ता, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक पुरूषोतम सिंह, सचिव कृषि उपज मंडी समिति आरके भारद्वाज, सहायक सचिव एपीएमसी पीएस पाठक, एसडीएम इन्दौरा सोमिल गौतम तथा एसडीएम फतेहपुर अंकुश शर्मा ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
कांगड़ा ज़िला में आज कोविड संक्रमण के 109 नए मामले सामने आए, जबकि कोविड संक्रमित व्यक्तियों के स्वस्थ होने की संख्या 25 रही।उपायुक्त डॉ. निपुण जिदंल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कांगड़ा ज़िला में वर्तमान में कोविड के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 672 हो गई है। ज़िला में उपचाराधीन सभी संक्रमित नागरिकों के उपचार की उचित व्यवस्था की गई है। गृह संगरोध में स्वास्थ्य लाभ कर रहे कोविड रोगियों को उनके घर-द्वार पर ही तमाम दवाइयां एवं आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। निर्दिष्ट स्वास्थ्य संस्थानों में उपचाराधीन लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। डॉ. जिदंल ने कहा कि सरकार तथा ज़िला प्रशासन कोविड संक्रमण से निपटने के लिए पूरी तरह से चाक-चौबंद और मुस्तैद है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर सामाजिक दूरी की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए मानकों के अनुरूप मास्क का उपयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जब सभी लोग स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा सुझाए गए कोरोना रोधी उपायों का अक्षरशः पालन करेंगे, तभी कोरोना संक्रमण को पूरी तरह फैलने से रोकने में सफलता मिलेगी।
धर्मशाला : युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी, नरेश गुलेरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 अक्तूबर को सिन्थैटिक एथलेटिक्स ट्रैक धर्मशाला में विभाग द्वारा जिला स्तरीय माऊंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता और साइकिल रैली कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के साथ जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए तीन आयु वर्ग बनाए गए हैं। 16 वर्ष से कम आयुवर्ग के लड़के व लड़कियां जिनका जन्म 1अप्रैल 2006 के बाद, 16 वर्ष से 23 वर्ष आयुवर्ग के लड़के व लड़कियां जिनका जन्म 1अप्रैल,1999 से 31 मार्च,2006 के मध्य हुआ है, 23 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लड़के व लड़कियां जिनका जन्म 1 अप्रैल, 1999 में तथा इससे पहले हुआ है, वह भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 42 से 50 किलोमीटर की होगी तथा यह खेल परिसर धर्मशाला से आरम्भ होकर स्लेट गोदाम-शांलिग-गांव झियोल-जिया से होकर खेल परिसर पहुंचेगी।
जिला कांगडा का अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल दिवाली से पहले सौर ऊर्जा से जगमगएगा। दरअसल बीते 3 महीने पहले सरकार ने घोषणा कर कहा था कि हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा का अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल के लोग आज तक अंधेरे में ही अपना जीवन व्यतीत कर रहे थे। सरकार ने दिवाली में दीपों के साथ ही क्षेत्र में सौर पैनल लगाने का ऐलान किया था। वंही इसी कड़ी में एसडीम बैजनाथ सलीम आजम की अध्यक्षता में सोमवार को हेलीकॉप्टर के माध्यम से 168 सौर पैनल भेजे गए ही। जानकारी के लिए बता दें कि बड़ा भंगाल में 168 परिवार रहते हैं। सौर ऊर्जा के माध्यम से 168 परिवारों को बिजली का फायदा होगा।
उपमंडल देहरा के अन्तर्गत गांव निचला करियाडा स्थित ब्राह्मण बस्ती, राजपूत बस्ती व चौधरी बस्ती के सैंकड़ों परिवार इस सर्द मौसम में भी विगत करीब तीन दिनों से लगातार पानी की एक एक बूदं को दर-दर की ठोकरे खाने को मजबूर है। वही इस परेशानी से तंग लोगों ने अब जलशक्ति विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को स्थानिय ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग को दो टूक धमकी देते हुए कहा कि अगामी एक दिन के भीतर पानी की समस्या हल न हुई तो मजबूरन कार्यलय देहरा का घेराव किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि गत तीन दिनों से लगातार विभागीय कर्मचारियों ने हमारे क्षेत्रभर में पानी की सप्लाई पूर्ण रुप से बन्द रखी हुई है। लिहाजा गर्मियों की तर्ज पर प्रत्येक ग्रामीण को पानी की बूंद-बूद के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे हर कोई जलशक्ति विभाग की कार्यप्रणाली को कोसता हुआ नजर आ रहा है। वंही जब इस बारे में जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता अनुप शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त पेयजल स्कीम पर लगी मोटर की खराबी के कारण पानी का संकट पैदा हुआ है। आज ही खराब मोटर को बदलकर दुसरी नई मोटर लगाकर समस्या हल की जाएगी।
युवा मंडल अधवानी द्वारा लखवाल में वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता के समापन समारोह पर समाजसेवी व बीजेपी ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष यशविन्दर सिंह मोन्टी उपस्थित रहे। यशविंदर सिंह मोन्टी को दिग्विजय सिंह द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। यशविन्दर सिंह मोन्टी ने सभी टीमों का धन्यवाद किया और इस दौरान उन्होंने कहा कि बच्चे खेलों में भविष्य संवार सकते हैं। खेल हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा है। यह व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक विकास का स्त्रोत है। खेल व्यायाम का सबसे अच्छा साधन माना जाता है। बता दें कि प्रतियोगिता में वॉलीबॉल की 12 टीमों ने हिस्सा लिया। युवा मंडल के सदस्य राजनीश पंकु ने बताया कि मुख्यअतिथि यशविन्दर सिंह मोन्टी द्वारा 21 हज़ार रुपए प्रोत्साहन राशि के तौर पर प्रदान की गई। प्रतियोगिता में मुस्कान क्लब (रवी &जस्सी) विजेता टीम व बढ़ेरा (कांगू) उपविजेता रहे। वंही मैन ऑफ दी मैच निखिल व मैन ऑफ दी सीरीज़ इशु रहे। विजेता टीम को विनर ट्रॉफी के साथ 11 हज़ार व उपविजेता टीम को रनरउप ट्रॉफी के साथ 51सौ रुपए देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दिगविजय सिंह, केसीसीबी शाखा प्रबंधक संजू पंजयान, सुनील कुमार (अध्यापक), सुशील कुमार, राहुल गुलेरिया, राजनीश कुमार, विनोद कुमार, युवा मंडल अधवानी के सभी सदस्यों उपस्थित रहे।
अंतिम सेमेस्टर के सैकड़ों विद्यार्थियों ने सीयू से पीएचडी करने के लिए शोध पात्रता परीक्षा दी है, लेकिन प्रदेश विवि की ओर से परिणाम घोषित न करने से विद्यार्थियों का सपना टूट सकता है। क्योकि हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में पीएचडी में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों की वेरिफिकेशन का 25 अक्तूबर को आखिरी दिन है, लेकिन एचपीयू ने स्नातकोत्तर के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं का परिणाम अभी घोषित नहीं किया है। केमिस्ट्री समेत कई विषयों की परीक्षाएं 27 सितंबर को खत्म हो चुकी हैं। एचपीयू से केमिस्ट्री, फिजिक्स, हिंदी, इंग्लिश, मैनेजमेंट, पत्रकारिता और बॉटनी समेत अन्य विषयों में स्नातकोत्तर कर रहे सैकड़ों विद्यार्थी केंद्रीय विवि से बार-बार दस्तावेजों की वेरिफिकेशन की तिथि बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। केंद्रीय विवि ने तीन सितंबर को शोध पात्रता परीक्षा ली थी। 10 सितंबर को इसका परिणाम घोषित किया। इसके बाद पात्रता परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को 11 सितंबर से 25 अक्तूबर तक स्नातकोत्तर, आरक्षित वर्ग और अन्य दस्तावेजों की वेरिफिकेशन करवाने का समय दिया गया। वेरिफिकेशन की यह तिथि अब सोमवार को खत्म हो रही है। केंद्रीय विवि के अधिकारियों का तर्क है कि वेरिफिकेशन की तिथि बढ़ाना मुश्किल है। नवंबर 2019 में भी केंद्रीय विवि धर्मशाला शोध पात्रता प्रवेश परीक्षा ले चुका है। कोरोना के चलते पीएचडी में पूर्व के वर्षों में दाखिले नहीं हो पाए। शोध पात्रता परीक्षा की मान्यता दो वर्षों तक होती है। ऐसे विद्यार्थी भी हैं, जिन्होंने जेआरएफ और नेट की परीक्षा पास की है। अगर दस्तावेजों की वेरिफिकेशन में देरी होती है तो दो वर्ष तक पात्रता परीक्षा की मान्यता से दर्जनों विद्यार्थी बाहर हो सकते हैं। शोध पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके प्रदेश विवि शिमला के विद्यार्थियों ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सरकार से गुहार लगाई है कि इस समस्या का उचित समाधान निकाला जाए। उधर, सीयू धर्मशाला के रजिस्ट्रार डॉ. विशाल सूद ने कहा कि पीएचडी के लिए दस्तावेजों की वेरिफिकेशन का सोमवार को आखिरी दिन है। जो विद्यार्थी पीजी की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं और सभी योग्यता पूरी करते हैं, वे ही पीएचडी में दाखिले के लिए पात्र हैं।
जयसिंहपुर उपमंडल के अंतर्गत सोमवार को लंबागांव में दो आवारा बैलों की लडाई से बाजार में खड़ी दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल का काफी नुक्सान हुआ है। बड़ी मुश्किल से लोगों ने इन बैलों को छुड़वाया गया । स्थानीय व्यक्ति ओंकार चंद ने बताया कि वह अपनी स्कूटी को खड़ी करके दुकान के अंदर गए थे, लेकिन बाहर दो आवारा बैलों की आपसी लडाई ने स्कूटी को गिरा दिया, जिससे स्कूटी का काफी नुकसान हो गया। वही लोगों ने यह भी कहां कि कंगेहन में एक गोशाला बनी है लेकिन अभी भी सड़को पर आवारा पशु देखे जा रहे है। ओंकार चंद ने प्रशासन से मांग की है की इन आवारा पशुओं के जल्द से जल्द कोई समाधान किया जाए, ताकि लोगों को परेशानियों का सामान ना करना पड़े।
करवा चौथ के दिन बाजार पूरी तरह से गुलजार होते थे और दुकानदार खूब बिक्री करते थे। वहीं आज भारी बारिश के चलते कारोबार ठप होकर रह गया और दुकानदारों के चेहरों पर मायूसी दिखाई देने लगी है। दुकानदारों का कहना है कि त्योहार के चलते उन्होंने लाखों रुपए का सामान दुकानों में रखा था और उम्मीद थी कि करवा चौथ वाले दिन उनकी खूब खरीदारी होगी। परंतु आशा के विपरीत पिछली रात से ही भारी वर्षा क्षेत्र में चल रही है, जिस वजह से आज पूरा दिन वर्षा की भेंट चढ गया और दुकानदारी पूरी तरह से ठप होकर रह गई। मनियारी, हलवाई, बर्तन, फल, सब्जी कपड़ा व अन्य दुकानों पर नाम मात्र की ही ग्राहक दिखाई दिए। दुकानदार रमेश चंद्र, दीपक खोला, शम्मी शर्मा, अंग्रेज सिंह आदि ने कहा कि इस बार करवा चौथ का दिन बहुत मंदा रहा। हालांकि पिछले कल थोड़ी बहुत रौनक दिखाई दी थी परंतु आज का दिन बारिश में धुल गया।
देश-प्रदेश भर में रविवार को करवा चौथ का त्योहार पूरे हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। वहीं डाडा सीबा और इसके निकटवर्ती क्षेत्रों में व्रत रखने वाली महिलाओं और लड़कियों को चांद के उदय होने का बेसब्री से इंतजार करते देखा गया। जैसे-जैसे शाम ढल रही थी सभी की नजरें आसमान की ओर टिकी हुई थीं। महिलाएं पूजा की थाली लेकर इंतजार कर रही थीं कि कब चांद निकले और अर्घ्य देकर व्रत को संपन्न किया जाए। गौरतलब है कि करवा चौथ का पर्व तमाम धार्मिक मान्याताओं के अलावा पति-पत्नी के बीच अटूट बंधन का प्रतीक है। इसके साथ ही करवाचौथ पर पति-पत्नी के प्रेम को दर्शाती भावनाओं से भरे फ़ोटो, हंसने-हंसाने वाले चुटकुले भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खूब देखने को मिले। सज-धज कर सेल्फी पूजा की थालियों के साथ फोटो और प्रार्थना के उपरांत जीवनसाथी के साथ सेल्फी का जलवा भी सोशल मीडिया पर खूब देखने को मिला।
विकासखंड इंदौरा के अंतर्गत पड़ते छन्नी बेली गांव में गुप्त सूचना के आधार पर नारकोटिक्स सेल टीम के एएसआई हामिद मोहमद तथा उनकी टीम ने छन्नी बेली के एक घर में दबिश देकर 11 ग्राम हेरोइन व विदेशी करेंसी सहित 4 लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। एएसआई हामिद मोहमद ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान रमन कुमार रज्जी डी/ओ अश्वनी, काजल, कुलदीप और उसके पिता अश्वनी पुत्र मनोहर लाल गांव छन्नी के नाम से हुई है। पुलिस थाना डमटाल में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
थाना डमटाल के अंतर्गत मुख्य बाजार में एक कन्फेन्सरी की होल सेल की दुकान पर काम करने वाला युवक दुकान के अन्य गोदामो पर लगाए गए तालों की जाली चाबियाँ बनाकर लाखों रुपयों के सामान चोरी कर फरार हो गया। इस घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले के संबंध में जानकारी देते हुए थाना डमटाल के अतिरिक्त प्रभारी रमेश बैस ने बताया कि मुकेश कुमार पुत्र पूर्ण चंद निवासी गांव व डाकघर डमटाल तह इंदौरा जिला कांगड़ा ने शिकायत दर्ज करवाई कि वो डमटाल के मुख्य बाजार में कन्फेन्सरी के सामान की होलसेल की दुकान करता है। उन्होंने कहा कि उनके गोदाम में रखें चायपत्ती के बैग चोरी हो गए थे। इससे पहले भी उनके गोदाम में कई तरह के समान की चोरी होती रही है। जब गोदाम में जाकर देखा तो गोदाम में लगाए गए कैमरों के मुंह दूसरी ओर मुड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि दुकान का नौकर सतनाम सिंह उर्फ बिल्लू पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी वार्ड नंबर 9 गांव व डाकघर डमटाल तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा ने इस घटना को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आरोपी से सख्ती से पूछताछ करेगी कि वह चोरी किया हुआ सामान कहाँ-कहाँ बेचा करता था।
जयसिंहपुर उपमंडल के तहत पुलिस थाना लंबागांव क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म करने वालायुवक पास के ही गांव से रहने वाला है। पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। नाबालिग ने शिकायत में कहा है कि आरोपी बहला फुसला कर उसे 16 अक्तूबर को सुजानपुर के एक रेस्टोरेंट में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने नाबालिग को डराया धमकाया और 20 अक्तूबर को सुजानपुर के रेस्टोरेंट में फिर दुष्कर्म किया। नाबालिग ने घरवालों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने लंबागांव पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। वही, डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
धर्मशाला: जिला कांगड़ा में शनिवार रात को मौसम ने करवट बदली है। रविवार सुबह से ही जिला के मैदानी इलाकों में बारिश शुरू हो गई। वहीं धौलाधार शृंखला में त्रियुंड से लेकर बिलिंग तक बर्फ की चादर बिछ गई है। ट्रैकिंग के लिए प्रसिद्ध त्रियुंड में 1 से 2 इंच बर्फबारी दर्ज की गई है जबकि बिलिंग में भी बर्फबारी से पैराग्लाइडिंग की टेक ऑफ साइट भर गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के तेवर ऐसे ही रहेंगे। वंही जिला कांगड़ा व चम्बा की सीमा पर स्थित इंद्रहार व थमसर दर्रों में काफी बर्फबारी हो रही रही है। धौलाधार के साथ सटे क्षेत्रों राजगुंधा, थाती, कोकसर व छोटा भंगाल में भी ताजा हिमपात हुआ है। इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय धर्मशाला सहित पालमपुर व बैजनाथ में भी बारिश का दौर जारी है। बारिश से जहां शुष्क ठंड से कुछ निजात मिली है, वहीं आने वाले दिनों में यहां का तापमान काफी नीचे आ जाएगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगर मौसम ऐसे ही 2 दिन और रहता है तो बर्फबारी मैक्लोडगंज व नड्डी तक पहुंच सकती है।
ज्वालामुखी उपमंड़ल के अंतर्गत भड़ोली क्षेत्र के गांव मखरोड में देर रात लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। दरसल देर रात एक विशालकाय अजगर घरों में घुस गया। अजगर को घर मे घुसता देख घरवालों व ग्रामीणों में डर का माहौल पैदा हो गया। देर रात ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी और वन विभाग की टीम भी तुरंत मखरोड गांव में पहुंच गई। वन विभाग टीम के राजेश कुमार बीट इंचार्ज, वन रक्षक शमां देवी, विनोद कुमार, सुनील कुमार ने मौके पर पहुंच कर तुरंत रेस्क्यू ऑपेरशन शुरू किया और जल्द ही अजगर पर काबू पा लिया। वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ कर दूर जंगल मे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। बता दें कि वन रक्षक विनोद कुमार पिछले 1 वर्ष में 10 अजगर रेस्क्यू कर चुके हैं। ग्रामीण संतोष व विपिन कुमार ने बताया कि देर रात उनके घर के पास विशाल अजगर देखा गया तभी वन विभाग की टीम को सूचित किया गया और टीम ने उसे सुरक्षित पकड़ जंगल मे छोड़ा। वन विभाग बीट इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि देर रात शुक्रवार गांव मखरोड से दूरभाष पर सूचना मिली कि एक अजगर घरों में घुस रहा है, तभी वन विभाग की टीम का गठन किया गया और देर रात अजगर को रेस्क्यू ऑपेरशन के तहत पकड़ कर सुरक्षित जंगल मे छोड़ा गया और गांववासियों को निजात दिलाई गई।
जयसिंहपुर: विधानसभा के अंतर्गत गांव टंम्बर में वर्षा शालिका का निर्माण कार्य आज से शुरू हो गया है। गौरतलब है कि स्थानीय जनता वर्षा शालिका के निर्माण के लिए काफी समय से आवाज़ उठा रहे थे। वंही क्षेत्र के लोगों ने 4 करोड़ 79 लाख से सड़क सुधारीकरण का कार्य शुरू करवाने के लिए विधायक रविंद्र रवि का आभार व्यक्त किया।
देहरा: केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के निर्माण हेतु देहरा में उपलब्ध करवाई गई भूमि के सीमांकन कार्य कर रहे अधिकारियों व कर्मचारियों को आज एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर ने प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। एसडीएम देहरा ने बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए चयनित भूमि का 80 प्रतिशत सीमांकन राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त कांगड़ा डाॅ.निपुण जिंदल के निर्देशानुसार राजस्व विभाग देहरा के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बड़ी तेजी से रिकाॅर्ड समय में यह कार्य किया है। उन्होंने सीमांकन कार्य में लगे नायब तहसीलदार देहरा सुरिंदर कुमार और उनकी टीम के सदस्यों को एसडीएम कार्यालय देहरा में आज प्रशस्ति प्रमाण पत्र दिए और उनके द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
राजस्व विभाग से सेवानिवृत हुए नायब तहसीलदार रक्कड़ सतीश कुमात एवं नायब तहसीलदार जसवां सुशिल कुमार को आज एसडीएम कार्यालय देहरा में आदरपूर्वक विदाई दी गई। एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर ने दोनों को सम्मानित कर उनके उज्जवल भविषय की कामना की। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार रक्कड़ सतीश कुमार लगभग 40 वर्ष और नायब तहसीलदार जसवां सुशील कुमार लगभग 36 वर्ष अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं देने के बाद आज विभाग से सेवानिवृत हो रहे हैं। इस अवसर पर एसडीएम कार्यालय देहरा में उपमंडल के सभी राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा उन्हें सम्मानित कर उनके लिए प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार रक्कड़ अमित कुमार, तहसीलदार जसवां अंकित शर्मा, नायब तहसीलदार देहरा सुरिंद्र कुमार, नायब तहसीलदार हरिपुर रजिंद्र सिंह, नायब तहसीलदार परागपुर सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कांगड़ा जिला के विभिन्न रेड रिबन क्लब के PEER एजुकेटर की कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण समिति के सौजन्य से जोनल अस्पताल धर्मशाला के सभागार में किया गया। इसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी काँगड़ा डॉक्टर गुरुदर्शन गुप्ता ने कीI रेड रिबन प्रतीक लगाकर सबने अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दियाI अध्यक्ष ने बताया कि कांगड़ा जिला के विभिन्न कॉलेजों में दूसरे चरण की एचआईवी और एड्स से संबंधित न्यू इंडिया अभियान की गतिविधियां की जाएंगी I इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य समाज में युवाओं को एचआईवी /एड्स, विभिन्न यौन संचारित रोगों तथा नशे से कैसे दूर रहना है के बारे में खुली चर्चा व जागरूक करना हैI इस कार्यशाला में विजय कुमार व निखिल ने विशेष रूप से भाग लिया। इस मौके पर सहायक निदेशक हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण इकाई के राहुल चौहान ने बताया कि भारत की आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर तीसरे चरण का न्यू इंडिया अभियान 75 कॉलेज और स्कूलों में होने जा रहा हैI इस कार्यशाला में जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सीआर ठाकुर, आईसीटीसी कर्मचारी मीना, प्रीत किरण, मनोज व अंतरिक्ष भी उपस्थित रहेI
उपमंडल इंदौरा के अधीन पड़ते डमटाल स्थित केके रिसोर्ट में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्यअतिथि के रूप में इंदौरा के पूर्व विधायक एवं उपाध्यक्ष सामान्य उद्योग निगम हिमाचल प्रदेश मनोहर धीमान ने शिरकत की। इस मौके पर एक्साइज विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से सहायक कमिश्रर बाबू राम नेगी व निरिक्षक राकेश कुमार भी मौजूद रहे। फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील बचन व पल्ल्वी बचन, दीक्षा, करतार सिंह, परमीश व योगेश कुमार व मंगल सिंह की ओर से बैठक में भाग लेने आए लोगों का भरपूर स्वागत किया। बैठक में यंग नेटवर्क फॉर गुड हेल्थ द्वारा कई हितधारकों को एक साथ लाया गया ताकि विभिन्न तरीकों पर तबाकू व अन्य नशों पर चर्चा की जा सके व नागरिक समाज संगठन, सरकारी विभाग सीओटीपीए संशोधन 2020, राज्य के संचालन और राष्ट्रीय बहु-क्षेत्रीय कार्य योजना के लिए अपना समर्थन दे सकें। इस बैठक में युवाओं व गणमान्य लोगों द्वारा संचालित अभियान और गतिविधियों के साथ तंबाकू नियंत्रण पर चर्चा की गई। बैठक में राज्य स्तरीय बहु-हितधारक परामर्श को सरकारी प्रतिनिधियों, नागरिक समाज के प्रतीक, युवा नेताओं और विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के प्रमुखों द्वारा संबोधित किया गया। फाउंडेशन के संचालक ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण की दिशा में हम निरंतर प्रयास कर रहे है और आने वाले दिनों में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के नागरिकों के लिए इसी तरह केे सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर नोबल फाउडेशन के अध्य्क्ष विनोद कुमार, मास्टर फिजिकल एकेडमी के संचालक मास्टर राजीव वशिष्ट, तोकी पंचायत के उपप्रधान रंजीत पठानिया, केसीसी बैंक के पूर्व निदेशक सुनील पाधा,केहर सिंह,एंटी ड्रग्स क्लब नूरपुर से साहिल कटोच, राजपूत सर्वहित कल्याण सभा से अमित ठाकुर व समाल से रोहित ठाकुर आदि मौजूद रहे।
उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने गत देर शाम विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। गौरतलब है कि फतेहपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान कानून व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबन्धों के दृष्टिगत पुलिस तथा प्रशासन द्वारा वाहनों की आवाजाही सहित हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि निगरानी रखने के लिए गठित टीमों तथा पुलिस अधिकारिओं द्वारा सीमांत राज्य से आने वाले सभी वाहनों की चेकिंग सुनिश्चिती की है जिस कारण यहां पर सुरक्षा इंतजामों में किसी भी प्रकार की ढ़ील नहीं बरती जाएगी। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने चुनावी सभाओं, रैलियों तथा प्रचार के लिए प्रयोग में आने वाली गाड़ियों के पूर्व अनुमति पत्र को जांचने सहित अन्य वाहनों की चेकिंग व सामान की तलाशी सुनिश्चित बनाने के भी अधिकारिओं को निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारिओं से कहा कि मतदान में कम समय रह जाने के कारण सभी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने सौंपे गए दायित्व को बखूवी निभाने के अधिकारिओं को निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अन्य सभी व्यवस्थाओं व सुरक्षा व्यवस्था को ओर चुस्त-दरुस्त व चाक-चौबंद बनाने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने गत देर शाम व्यवस्थाओं को जांचने के लिए धान खरीद केंद्र रियाली का दौरा किया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त राहुल कुमार भी उनके साथ रहे। उपायुक्त ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम द्वारा 15 अक्तूबर से अनाज मंडी में किसानों से धान की फसल की खरीद शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि एफसीआई तथा एपीएमसी के अधिकारी ऑनलाइन पॉर्टल पर पंजीकृत किसानों से निर्धारित तिथि के तहत 1960 रुपए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों से फसल खरीद में देरी तथा सुविधाओं में कमी की शिकायतें आने पर आज उन्होंने विभागीय अधिकारिओं तथा किसानों से बात की है। उन्होंने भरोसा दिया कि प्रशासन द्वारा सभी कमियों को दूर करने सहित जरूरी सुविधाओं को उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्रयास किये जाएंगे। ताकि किसी भी हितधारक को कोई समस्या पेश न आए। उन्होंने सभी किसानों से निर्धारित तिथि पर ही अपनी फसल अनाज मंडी में लाने का आग्रह किया है, ताकि किसी भी हितधारक को परेशानी से न गुजरना पड़े।
जिला युवा सेवा एवम खेल विभाग धर्मशाला के तत्वाधान में शिव शक्ति युवा क्लब भटेड वासा द्वारा ब्लॉक स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 25 अक्टूबर को गवरमनेंट डिग्री कॉलेज देहरा में किया जा रहा है। जानकारी देते हुए शिव शक्ति युवा क्लब के अध्यक्ष बाबू राम ने बताया कि इस युवा उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें ब्लॉक देहरा के तहत तमाम स्कूल कॉलेज के छात्र भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम में एसडीएम देहरा धनबीर सिंह ठाकुर मख्यतिथि रूप से शिरकत करेंगे। इस ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में युवा प्रतिभागी भाग ले सकते हैं।


















































