डीएवी स्कूल भडोली के बच्चों ने मेहंदी व पुष्पगुच्छ एक्टिविटी में पूरे उत्साह के साथ बढ़ चढ़कर भाग लिया। यह गतिविधि कक्षा एलकेजी से आठवीं तक के बच्चों के लिए रखी गई। जिसमें लड़कों को पुष्पगुच्छ बनाना था और लड़कियों को मेहंदी लगानी थी। बच्चों ने अपने घर में बैठकर हाथों पर सुंदर आकृतियां बनाई। वही लड़कों ने रंग बिरंगे फूलों व कागजों से पुष्पगुच्छ बनाकर अपने हुनर का परिचय देकर। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने इस अवसर पर सबको करवा चौथ की हार्दिक शुभकामनाएं दी और बच्चों के प्रयासों की सराहना की। एक्टिविटी में भाग लेने वाले बच्चों में आराध्य शर्मा, हर्षित , प्रगति, प्रांजल, शांभवी, वैष्णवी, शौर्य, प्रेक्षा, यशवी ठाकुर, पीयूष, अंतरिक्ष, स्वस्तिका दत्ता, अंश मेहरा, सुजैन सरीन, स्वस्तिक, अधिष्ठान, निशान सहित अन्य विद्यार्थी भी शामिल रहे।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के सौजन्य से झंडा दिवस पूरे प्रदेश में हर्षोउल्लास के साथ मनाया जा रहा है। थाना प्रभारी चिरंजीलाल शर्मा ने कहा इस उप्लक्षय पर रक्कड़ पुलिस द्वारा नशा निवारण के ऊपर 26 अक्टूबर को लोटस इंटरनेशनल स्कूल सदवां में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अभ्यार्थी भाग ले सकते हैं। अभ्यार्थी इस भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लोटस स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा से सोमवार को सम्पर्क कर अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। थाना रक्कड़ के एसएचओ चिरंजीलाल शर्मा ने आहान किया है कि ज्यादा से ज्यादा से अभ्यार्थी इस भाषण प्रतियोगिता में भाग लें। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम पायदान पर रहने वाले अभ्यार्थियों को 500 रुपये दूसरे स्थान पर 300 व तीसरे स्थान पर 200 रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दिन आने वाले सभी अभ्यार्थी मास्क का प्रयोग जरूर करें तथा सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखें ।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार के हाथों से लेखिका अनन्दिता वर्मा द्वारा लिखी पुस्तक बदलाव के भाग का शुक्रवार को उद्घाटन किया गया। आनन्दिता वर्मा पुत्रि मधु सुदन् वर्मा ने किताब के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह किताब हमारी युवा पीढ़ी को एक नई सोच नया सवेरा की तरफ बढ़ावा देगी। जल्दी ही यह किताब ऑनलाइन व ऑफलाइन लोगों के लिए उपलब्ध हो जाएगी और हिमाचल के ही नहीं बल्कि भारत के हर स्कूल की लाइब्रेरी में किताब पढ़ने को मिलेगी। इस किताब से बच्चों को शिक्षा मिलेगी कि जिंदगी में अच्छी सोच का क्या नतीजा होता है। किताब का नाम बदलाव इसीलिए दिया गया है ताकि एक बदलाव लाया जा सके। उद्घाटन के समय अनन्दिता वर्मा के पिता, दादा व परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अनन्दिता वर्मा का कहना है कि मैं भविष्य में भी अपनी कलम के जरिए नए-नए शब्दों से लोगों को राह दिखाने की कोशिश करूंगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहलियाँ परिसर मे शुक्रवार को जल शक्ति विभाग हिमाचल प्रदेश शिमला के सौजन्य से स्कूली बच्चों के बीच पेयजल की गुणवत्ता व पानी मानव जीवन मे कितना महत्वपूर्ण है, इस विषय पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जलशक्ति विभाग द्वारा पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती समारोह पर आयोजित हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य होशियार सिंह भारती ने की। जबकि जलशक्ति विभाग खुंडियां की ओर से राकेश कुमार व खंड पर्यवेक्षक जल शक्ति विभाग देहरा के अनुज कुमार मौजूद रहे। स्कूली छात्रों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में बतौर जजिज नाहलियां स्कूल के प्रवक्ता संजीव कुमार, बुधिचन्द, राकेश कुमार, सुरजीत कुमार व कला अध्यापक मनोज कुमार ने अपनी सेवाएं दी। वही इस प्रतियोगिता मे स्वच्छ व गन्दा पानी पीने से स्वास्थय पर क्या प्रभाव, पानी को कैसे स्टोर करें व छत से पानी का भण्डारण कैसे हो सकता है, पानी की फजूलखर्ची कैसे बचा सकता है। आदि बिन्दुओं पर लेखन प्रतियोगिता ली गई। जानकारी देते हुए स्कूल प्रधानाचार्य होशियार सिंह भारती ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्लस वन की नितिका ने पहले स्थान, जबकि प्लस टू के अविनाश ने दुसरा स्थान, दसवीं की मिनाक्षी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पुलिस थाना खुंडिया के अंतर्गत गुरुवार देर शाम पुलिस ने सूचना के आधार पर नाहलियाँ, खुंडिय निवासीजोकि शाम के समय खुंडिया से पैदल एक थैला लेकर जा रहा था वहीं सूचना मिलते ही तलाशी के दौरान पुलिस ने उक्त व्यक्ति से मौके पर नौ बोतल देसी शराब मार्का संतरा कुल 6750 एमएल शराब वरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी चन्द्र पाल ने बताया पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
ज्वालामुखी व आसपास के क्षेत्रों में त्योहारी सीजन में नकली मेवे और नकली खोए से बनने वाली मिठाइयां से लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ता है इसलिए एसडी एम ज्वालामुखी धनवीर ठाकुर डीएसपी ज्वालामुखी चंद्रपाल सिंह ने खाद्य आपूर्ति विभाग खाद्य आपूर्ति निगम स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वह जगह जगह पर जाकर निरीक्षण करें और देखें कि नकली मेवे और खोए से बनी मिठाइयां कहीं लोगों की सेहत खराब करने के लिए मार्केट में तो नहीं आ रही है यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और दूसरे राज्यों से आने वाली नकली खोए की बनी मिठाइयां नष्ट कर दी जाए गौरतलब है कि त्योहारी सीजन में मेवे और खोए की डिमांड पूरी नहीं होती है इस वजह से दूसरे राज्यों के लोग नकली मेवे और नकली खोए की खपत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचाते हैं अन्य राज्यों से क्विंटल के हिसाब से ऐसे पदार्थ हिमाचल प्रदेश के कोने-कोने में पहुंचाए जाते हैं लोग थोड़े से लालच में घटिया खाद्य सामग्री की मिठाईयां बनाकर ना केवल लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं बल्कि लोगों की जेबों पर डाका डालने का काम भी करते हैं इसलिए प्रशासन ने इस बार सख्त रवैया अख्तियार करने के निर्देश दिए हैं क्षेत्र के लोगों ने बताया कि मिठाई की दुकानों में मिठाईयां कम बनाई जाती हैं उनके घरों गोदामों फैक्ट्रियों और अन्य गुप्त स्थानों में मिठाइयां पिछले 2 माह से लगातार बनती चली आ रही है इसलिए अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा मिठाई की दुकानों के अलावा मिठाई दुकानदारों के अन्य स्थानों पर भी नजर रखी जाए जिसके लिए सीआईडी विभाग की भी मदद ली जाए ताकि अच्छी खाद्य सामग्री लोगों को मिल सके और नकली बनावट के माल से बने सामान को बेचने से रोका जाए इस बारे में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर पवन शर्मा ने बताया कि पहले भी त्योहारी सीजन में ऐसे पदार्थों की जांच की जाती रही है और इस बार भी की जाएगी ताकि लोगों की सेहत से खिलवाड़ ना होने पाए l
युवक मंडल अधवानी द्वारा लखबाल में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज किया गया, इस प्रतियोगिता का शुभ आरंभ बीडीसी सदस्य आरती राणा द्वारा किया गया। बीडीसी आरती राणा ने सभी टीमों का स्वागत करते हुए कहा की खेलकूद जीवन में अनेक उत्तम गुणों का विकास करता है। खेलों से शरीर चुस्त, फुर्तीला एवं बलिष्ठ होता है। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत कोई मायने नहीं रखती है, बल्कि हारने वाले को भविष्य में जीतने की प्रेरणा मिलती है। हार जीत की परवाह किए बगैर खेलना चाहिए। खेलकूद के जरिये खिलाड़ियों में सामूहिक खेलकूद की भावना का विकास होता है। केवल किताबी ज्ञान देने से विद्यार्थियों का विकास नहीं होगा, बल्कि शारीरिक, बौद्धिक विकास भी होना जरूरी है। यह बॉलीबाल प्रतियोगिता लखबाल में 24 अक्टूबर तक करवाई जाएगी। युवा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 11 हजार की धनराशि ईनाम में दी जाएगी और रनर अप टीम को 5100 रूपये के साथ ट्रॉफी दी जाएगी। इस प्रतियोगिता में 15 टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन के मैचों में गगड़ूही व ज्वालामुखी की टीमें विजयी रहीं। इस मौके पर यशविन्दर सिंह, संदीप, रजनीश, मितू, संजय, मनोहर लाल प्राचार्य, अशोक कुमार, जसवंत सिंह पूर्व प्रधान, अनिता कुमारी, मदन लाल आदि उपस्तिथ रहे।
फतेहपुर में कांग्रेस की ओर से उपचुनाव की फिल्डिंग जमाए कांग्रेस नेता सुरिन्दर मनकोटिया ने कहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने सभी क्षेत्र घूमे हैं। हर क्षेत्र में महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी में बीजेपी सरकार की कारगुजारी के प्रति गहरा आक्रोश है। मनकोटिया ने कहा कि बीजेपी की सत्ता व सरकार की साजिश के चलते देश में फिर से न्यू ईस्ट इंडिया कंपनी की स्थापना का बड़ा षडय़ंत्र सत्ता के दम पर चल रहा है। जिसको अब आम आदमी को समझना होगा। धीरे-धीरे लगातार देश को बेचने की साजिशें एक गहरे षडय़ंत्र के तहत चल रही हैं। मनकोटिया ने कहा कि अगर देश व लोकतंत्र के साथ प्रजातंत्र को बचाना है तो हर आम और खास को सामने आना होगा। बीजेपी सरकार को खदेडऩे का इससे बेहतर मौका दूसरा नहीं होगा। सुरिन्दर मनकोटिया ने कहा कि फतेहपुर में बीजेपी ही बीजेपी के प्रत्याशी को ज्वाली पार करने की सौगंध खा चुकी है। ऐसे में भवानी सिंह की जीत सहज व स्वाभाविक है।
पुलिस चौकी संसारपुर टैरस द्वारा गुरुवार देर शाम गश्त के दौरान जनडौर में स्थानीय करियाना दुकान मालिक की तलाशी लेते समय उसकी दुकान से दस बोतल देसी शराब संतरा मार्का बरामद की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है । मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी चन्द्र पाल ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से तफ़्तीष कर रही है।
डीएवी स्कूल भड़ोली के बच्चों ने तीन दिवसीय ओपन जिला स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने बताया कि यह प्रतियोगिता 18 से 20 अक्टूबर 2021 के बीच हमीरपुर के टाऊन हॉल में करवाई गई। जिसमें 13, 15 और 17 वर्ष आयुवर्ग के प्रतिभागियों को शामिल किया गया। डीएवी भडोली के बैडमिंटन खिलाडियों में लड़कियों के वर्ग से अंडर- 13 सिंगल में सरगम और साइना विनर रही और अंडर-17 सिंगल में साइना रनर अप रही। डबल में साइना और सरगम विनर रहीं। वहीं लड़कों के वर्ग से अंडर- 13 सिंगल और डबल में ईशान वंदन रनर अप रहा और अक्षोभ अंडर -13, डबल बॉयज में रनरअप रहा। इन सभी बच्चों को आगे स्टेट लेवल के लिए चयनित किया गया है। स्कूल के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने उन अभिभावकों जिन्होंने इस खेल के समापन तक विद्यालय का साथ दिया खासकर साइना के पिता स्वरूप, अक्षोभ के पिता सुदर्शन मेहरा और सरगम के पिता सुशील का बहुत धन्यवाद किया। बच्चों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और आगे भी अच्छा खेलने के लिए प्रेरित किया।
शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में शुक्रवार को धौलाधार इको क्लब द्वारा पर्यावरण जागरूकता अभियान एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत इको क्लब की प्रभारी प्रो अनुराधा शर्मा द्वारा की गई। उन्होंने क्लब के प्रमुख उदेश्यों एवं कार्यों से विद्यार्थियों को विस्तार से अवगत करवाया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रदीप कौंडल ने समारोह में क्लब के सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुऐ शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में इको क्लब के 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता के बारे में कविता पाठ, भाषण एवं निबंध प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम में कॉलेज के प्रोफेसर एवं अन्य छात्र भी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त, डॉ. निपुण जिन्दल ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के मद्देनज़र इलेक्ट्रोनिक्स पोस्टल बेल्ट पेपर को भेजने की प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों ने फार्म 12-डी के तहत इन बेल्ट पेपर के लिए आवेदन किया है, वह अपना मतदान केवल पोस्टल बेल्ट पेपर द्वारा ही कर पायेंगे, ऐसे व्यक्तियों को मतदान केन्द्र पर वोट डालने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के 493 दिव्यांगजनों एवं 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों ने पोस्टल बेल्ट पेपर के लिए आवेदन किया है। इनकी जांच के उपरांत पोस्टल वेल्ट मतदान टीमें भी तैनात कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केन्द्रों पर मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो तथा चुनाव के दौरान पादर्शिता बनी रहे। इसकेे लिए माइक्रो पर्यवेक्षकों की तैनाती की जा रही है। पारदर्शिता हेतु 38 माइक्रो पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त 75 मतदान केन्द्रों की वैब कास्टिंग की जाएगी तथा 33 मतदान केन्द्रों की वीडियोग्राफी व 78 मतदान केन्द्रों पर स्टिल फोटोग्राफी सुनिश्चित करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 5 अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर केंद्रीय पुलिस बल तैनात किए जायेंगे। उन्होंने इस दौरान मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़ कर मतदान करने की अपील भी की तथा उनसे सहयोग की अपेक्षा भी की।
आईटीआई नैहरनपुखर में एक बार फिर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने जा रहा है। आगामी 27 अक्तूबर 2021 को जीएमपी-टेक्निकल सॉल्यूशन कंपनी के सौजन्य से आई.टी.आई. नैहरनपुखर में लिखित परीक्षा व कैम्पस इंटरव्यू के माध्यम से युवाओं का चयन किया जाएगा। कंपनी के एच. आर. विभाग के अधिकारी ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि 27 अक्तूबर 2021 को होने वाली लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के लिए एन.सी.वी.टी. से फिटर, वेल्डर, पेंटर मशीनिस्ट व्यवसाय में वर्ष 2015-2021 के बीच कोर्स पूरा कर चुके सभी अभ्यर्थी पात्र होंगे। जिसमें अभ्यर्थी की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा चयनित युवाओं को 9250/- रुपये मासिक वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। कैम्पस इंटरव्यू में पात्र युवा 27 अक्तूबर 2021 को सुबह दस बजे अपने मूल प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, आधार कार्ड, पैन कार्ड की प्रतिलिपियों के साथ आई.टी.आई. नैहरनपुखर कैम्पस में पहुँच जाने चाहिए। इस विषय में अधिक जानकारी देते हुए संस्थान प्रधानाचार्य ललित मोहन जमवाल ने बताया की युवाओं की चयन प्रक्रिया में पहले एक लिखित परीक्षा होगी और उसके बाद साक्षात्कार लिया जाएगा। उन्होने बताया कि इस कैम्पस इंटरव्यू में प्रदेश भर के सरकारी व निजी आई.टी.आई. के छात्र हिस्सा ले सकते हैं।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते लोअर सुनहेत में बीते 15 अक्टूबर को सवेरे के बैरियर के पास से अपने ढाबे की तरफ पैदल आ रहे एक व्यक्ति को चिन्तपूर्णी की ओर आर ही गाड़ी नम्बर HP37F 2578 ने टक्कर मार दी थी । कार चालक ने भी मौके पर गाड़ी रोक दी वहीं उक्त व्यक्ति को इलाज के लिए हनुमान चोंक स्थित निजी अस्पताल लेकर जाया गया जहां से डॉक्टरों ने उंसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था । अब इलाज के दौरान उक्त व्यक्ति की बीती रात मौत हो गई । मृतक की पहचान चैन सिंह के रूप में हुई है। मामले की पुष्ति करते हुए एसएचओ देहरा कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।
दौलतपुर से मुबारिकपुर मार्ग में गुरुवार सवेरे एक कैंटर और टिप्पर के बीच में ज़बरदस्त टक्कर हो गई। इस घटना में टिप्पर चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया था जिसे उपचार हेतु पीजीआई चंडीगढ़ लेकर जाते समय उसकी मौत हो गई है। मृतक की पहचान पवन कुमार(42)सुपुत्र कश्मीर सिंह निवासी अलोह का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों वाहनों के बीच हादसा इतना जोरदार था कि कैंटर की टक्कर लगने के बाद टिप्पर की बॉडी चेस्सी से अलग हो गई और टिप्पर में केबिन में बुरी तरह फसे चालक को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया । मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी अम्ब आशीष पठानिया ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मौके पर जाकर जायजा लिया वहीं हादसे में मौत का शिकार हुए चालक का शव का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवा उसके स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है ,कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिक्षा विभाग द्वारा पूर्ण राज्य के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूलों में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।इसी कड़ी में रावमापा बाल ज्वालामुखी की छात्रा निराली चौधरी ने भाषण प्रतियोगिता में देहरा ब्लॉक में पहला स्थान प्राप्त करके स्कूल का नाम रोशन किया। अब वह ब्लॉक देहरा की तरफ से रावमापा डुगियारी में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में भाग लेगी। यह प्रतियोगिता 29 अक्तूबर को होगी जिसमे विभिन्न ब्लाकों के प्रतिभागी भाग लेंगे। स्कूल प्रधान मंजू चौधरी ने निराली चौधरी और उसके माता पिता को निराली की इस उपलब्धि पर बधाई दी और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
भारतवर्ष में कोरोना वैक्सीन की 100 करोड़ डोज़ पूरी होने के उपलक्ष में देश एवं प्रदेश भर में जश्न मनाया गया, इस मौके पर जिलाधीश काँगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने कोविड-19 टीकाकरण स्थल धर्मशाला (रैन बसेरा) का दौरा किया I टीकाकरण स्थल का निरीक्षण करते हुए टीकाकरण स्थल पर आए हुए लाभार्थियों से बातचीत करते हुए उन्हें करोना वैक्सीन की पहली खुराक के समय या दूसरी खुराक लेने के समय कोई कठिनाई तो नहीं आई के बारे में उनसे जानकारी प्राप्त की I जिलाधीश महोदय ने टीकाकरण स्थल पर उपस्थित विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनकी सराहना की तथा कोरोना की दूसरी डोज़ के टीकाकरण के लिए और तेज गति से काम करने के लिए कहा I
जिला देहरा के विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बंग्लादेश में हिंदुओं पर किए जा रहे जघन्य अत्याचारों, हत्याओं तथा बलात्कारों के खिलाफ जवालाजी के एसडीएम धनवीर ठाकुर के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ज्ञापन सौंप कर सुरक्षा देने की मांग की है। जिला देहरा के कार्याध्यक्ष प्रशांत शर्मा ने ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि इस्लामिक जेहादी बंग्लादेश में हिंदुओं के मंदिरों को तहस नहस कर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को मिटाने की नापाक कोशिश कर रहे है। जिस को लेकर इस्लामिक जेहादियों के खिलाफ पूरे विश्व के हिंदुओं में भारी आक्रोश है। इस अवसर पर जवालाजी के अध्यक्ष हिमांशु भूषण दत्त ने बंग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर किए जा रहे अत्याचारों को रोकने के लिए भारत सरकार कड़े कदम उठाकर उन्हें सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि जब से अफगानिस्तान में तालिबान शासन शुरू हुआ है तबसे बंग्लादेश , केरल तथा कश्मीर आदि राज्यों में हिंदुओं की नृशंस हत्याएं तथा नाबालिग लड़कियों तथा महिलाओं के साथ बलात्कार और अत्याचार हो रहे हैं। इस अवसर पर जवालाजी के एसडीएम धनवीरठाकुर ने कहा कि बंग्लादेश में हिंदुओं पर किए जा रहे अत्याचारों के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद जिला देहरा ने उनके माध्यम से भारत के राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया है। इस ज्ञापन को तत्काल भारत सरकार को भेज दिया गया है। इस अवसर पर विहिप के देहरा जिला अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, जवालाजी अध्यक्ष हिमांशु भूषण दत्त, विशेष सम्पर्क प्रमुख देशराज भाटिय, नरेंद्र कौशल, नरेश कुमार, पूनम शर्मा, संजू कुमार, विजय ठाकुर आदि उपस्थित थे ।
व्यापार मंडल डाडा सीबा के सौजन्य से बुधवार 20 अक्तूबर को दूसरा रक्तदान शिविर स्थानीय सिबल अस्पताल में आयोजित किया गया। व्यापार मंडल प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा की अध्यक्षता में आयोजित हुए रक्तादान शिविर में टांडा मेडिकल कॉलेज कागंडा से आए डॉ विकास नेयर की टीम ने अपनी सराहनीय भूमिका निभाई। स्थानिय दुकानदारों के अलावा क्षेत्रभर भर के लोगों ने इस शिविर में खूब बढ़चढ़ कर भाग लिया। व्यापार मंडल प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा ने बताया कि इस रक्तदान शिविर में कोविड-19 सरकारी मापदंडों का पूरा ध्यान रखते हुऐ 61 यूनिट ब्लड जमा किया गया है। इस दौरान वीआर मैरिटाइम के सदस्यों ने भी शिविर में भाग लिया। इसके इलावा समुराई फिटनेस सेंटर डाडासीबा के प्रशिक्षु भी इस रक्तदान शिविर में मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व प्रधान अशोक कुमार, कृष्ण शर्मा अरुण मेहरा, सतीश ठाकुर, रविंद्र सोनी, गुलशन चौहान, रमेश कुमार, मोहित शर्मा, गुरपाल, पवन कुमार, अनिरुद्ध डोगरा, सतीश कुमार, अरुण कुमार, हैप्पी ठाकुर, प्रवीण मेहता, गुरमीत, कैप्टन जितेंद्र सिंह, दीपक वर्मा आदि मौजूद रहे। रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले सभी लोगों को मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया।
उपमंडल फतेहपुर के अंतर्गत टटवाली पंचायत के धौलपुर गांव में पिछले लगभग 8 दिन से पीने के पानी की समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। जिसका खामियाजा आम जनमानस को उठाना पड़ रहा है। लोगों को घरों में पीने के पानी को लाने के लिए एक से डेढ़ किलोमीटर दूर प्राकृतिक जल स्रोतों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है जोकि कई समय से प्रयोग में नहीं लाए जा रहे हैं। सैन्य लोगों का कहना है कि 8 दिनों से खराब मोटर को ठीक करना तो दूर की बात है, मोटर को उक्त स्थान से खोला तक नहीं गया है जबकि उसे ठीक करवाने के लिए भी 1 से 2 दिन का समय और लग सकता है। वंही आज यानि मंगलवार को विभाग की नज़रअंदाज़ी देखते हुए स्थानीय लोग भारी संख्या में उक्त स्कीम पर पहुंचे व वहां पर ताला लगा दिया। लोगों ने विभाग व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। इस बारे में जब सहायक अभियंता विजय नाग से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन दिन से ही मोटर खराब चल रही है, जबकि लोगों का कहना था कि पिछले 8 दिन से मोटर बंद है और पीने के पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप है। विजय नाग ने बताया कि एक-दो दिन में मोटर को ठीक करके उसे चालू कर दिया जाएगा।
जस्वा परागपुर के प्रसिद्ध समाजसेवी एक कस्वा जागीर के उपप्रधान मुकेश ठाकुर ने अपने सामाजिक कामों से क्षेत्र वासियों को प्रभावित किया है। इसी कड़ी में उन्होंने मंगलवार को गावं घाटी, घमरुर, बलघार,गरली, कोल्हापुर में गरीब परिवार की लड़कियों के लिए शगुन दिया। साथ ही समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने चौली, चलेगी व नंगल चौंक पंचायत में जरूरतमन्द बच्चों को उनकी पढ़ाई के लिए किताबें प्रदान की।समाजसेवी मुकेश ठाकुर अपनी कमाई की रकम से लोगों की जरूरतें पूरा करते है। वंही मुकेश ठाकुर द्वारा जस्वा परागपुर विधानसभा की महिलाएं जो घर में सिलाई-कड़ाई का कार्य करती है, उनके लिए शीघ्र ही सिलाई मशीनों का प्रबन्ध किया जाएगा।
एकल फाउंडेशन आफ इंडिया के संच नंगलभूर ने गांव चुहड़पुर में एकल विद्यालय की आचार्यों को शिक्षा सामग्री आवंटित की है। वही अंचल पठानकोट की प्रमुख कोमल शर्मा ने बताया कि उन्होंने विद्यालय की आचार्य को शिक्षा सामग्री आवंटित की है, एकल विद्यालय ने यह सामग्री बच्चों को मुफ्त में दी है और उनकी फाउंडेशन का मकसद हर बच्चे को शिक्षित करना है। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद प्रखंड इंदौरा के अध्य्क्ष अजय शर्मा, रोशन लाल, चिंचु देवी सहित लगभग 30 के करीब लोग और अंचल पठानकोट की आचार्य मौजूद रहीं।
इंदौरा क्षेत्र अवैध खनन के मामले में काफी चर्चा में है। इंदौरा में बहती ब्यास नदी व चक्की दरिया का खनन माफिया द्वारा बेख़ौफ़ होकर सीना छलनी किया जा रहा है। यहाँ तक की आस्था का प्रतीक ठाकुर राम गोपाल मंदिर की सैकड़ों कनाल भूमि को खनन माफिया द्वारा निगल लिया है और अवैध खनन अभी भी जोरो पर है। कोई बड़ी कार्यवाही आज तक नहीं हुई है। अब तो क्षेत्र का खनन माफिया सरकारी वन संपदा को भी लूटकर रातों रात अमीर बन रहा है। थपकौर नाला, गगवाल, लोध्वा, भदरोया ओर डैकवां आदि एरिया में स्थानीय खनन माफिया द्वारा वन विभाग की भूमि पर दिन दिहाड़े पीला पंजा चलाकर और पहाड़ो की मिट्टी का खनन कर उसे ट्रैक्टर ट्रॉलियों में भरकर रोजाना दर्जनों ट्रॉलियों को पठानकोट ले जाकर महंगे दामों पर बेच रहा है। यह सब अवैध कार्य वन विभाग व खनन विभाग के फील्ड कर्मचारियों की मिलीभगत से हो रहा है। जब कभी कभार अवैध खनन की खबर मीडिया में उजागर होती है तो मात्र एक दो दिन ही दोनो विभाग नींद से जागते है और कार्यवाही के नाम पर मात्र एक आद मिट्टी से भरे ट्रैक्टर का एक हल्का सा चालान कर पल्ला जाड़ लेते है। अगर कभी कभार कार्यवाही की बात करे तो जब उनको कोई ट्राली मिट्टी से भरी हुई मिलती है तो उनकी इस खनन माफिया के आगे इतनी हिम्मत नही होती के वो इनके चालान काट सके। पकड़ी गई ट्रॉली चालान करने की बजाए ट्रैक्टर चालको से रोड किनारे मिट्टी के ढेर लगवाकर उनको छोड़ देते है और उसी समय वही ट्रैक्टर चालक फिर खनन कर मिट्टी को पठानकोट ले जाना शुरू कर देते है। वही स्थानीय लोगों ने दोनों विभागों पर आरोप जड़ते हुए कहा कि दोनों विभागों की मिलीभगत से ही वन संपदा लूटी जा रही है।
फतेहपुर उपचुनाव के चलते सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार थाना प्रभारी इन्दौरा सुरिन्दर धिमान व थाना प्रभारी फतेहपुर ने बताया कि जिनके पास भी लाईसेंसी हथियार है, उन्हें 20 तारिख यानी कल तक थाना इन्दौरा में जमा करवा दे। उन्होंने कहा कि यदि कल तक कोई व्यक्ति अपना हथियार नहीं जमा नहीं करवाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माने के तौर पर उनसे 20000 तक भरने पड़ेगे। थाना प्रभारी ने बताया कि इस सख्ती का मुख्य कारण यह है कि इससे पहले जब पंचायत का चुनाव हुआ था तब भी ग्राम पंचायत भोग्रवां में इलेक्शन के दौरान दो गुटों में हाथापाई हुई थी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर एक व्यक्ति को घायल भी किया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि आज यानि मंगलवार को थाना इन्दौरा के अन्तर्गत आने वाली पंचायतों के प्रधानों और पंचायत में लोगों को बुलाया गया है ताकि वे हथियार जमा करवा सके, अगर कोई व्यक्ति किसी कारण वश रह जाता है तो वह कल थाने में आकर हथियार जमा करवा दें |
जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला की प्राचार्य रेनू शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2022-23 के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय, पपरोला में नवमीे कक्षा में रिक्त सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन 13 सितम्बर से शुरू हो चुके हैं तथा चयन परीक्षा 9 अप्रैल को होगी। शर्मा ने बताया कि अभ्यार्थी सत्र 2021-22 में जिला कांगड़ा के किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र होना चाहिए। अभ्यार्थी का जन्म 1 मई, 2006 से पहले तथा 30 अप्रैल, 2010 के बाद का नहीं होना चाहिए। यह आयु सभी वर्गों के लिए मान्य होगी तथा आयु सीमा में कोई भी छूट नहीं होगी।
धर्मशाला। तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखकर राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण जान-माल के दुखद नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'मैं आपको, अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों और तबाही से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं समझता हूं कि राज्य सरकार और संबंधित प्राधिकरण जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं और राहत के प्रयास अच्छी तरह से चल रहे हैं। दलाईलामा ने सहानुभूति प्रकट करते हुए कहा, 'मैं दलाई लामा ट्रस्ट की ओर से बचाव और राहत प्रयासों के लिए दान देना चाहता हूं।' बता दें कि भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ समेत भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 22 हो गई थी। शनिवार को भारी बारिश के बाद कोट्टायम और इडुक्की जिलों के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण यह दुर्घटनाएं हुई हैं। केरल में इडुक्की डैम के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहां लोगों के घर देखते ही देखते भारी बारिश के बहाव में डूब रहे हैं।केरल में लगातार हो रही बारिश ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुश्किल की इस घड़ी में केरल सरकार लगातार गृह मंत्रालय के संपर्क मै है। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने केरल को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया था। इसके अलावा NDRF ने राज्यों में बचाव कार्यों के लिए 11 टीमों को तैनात किया है, जबकि भारतीय नौसेना और वायु सेना की टीम को भी राहत और बचाव कार्यों के लिए तैनात किया गया है।
धर्मशाला: आरसेटी निदेशक महेन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान धर्मशाला द्वारा जिला कांगड़ा की युवतियों को स्वरोजगार की और अग्रसर करने के लिए 30 दिन का ब्यूटी पार्लर का निःशुल्क एवं अवासीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि अग्रणी जिला प्रबंधक कुलदीप कुमार कौशल द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को यूनिफार्म भी वितरित की गई। आरसेटी निदेशक महिन्द्र सिंह ने बताया कि 30 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जिला कांगड़ा के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। आने वाले दिनों में यह संस्थान 10 दिन का डेयरी फॉर्मिग एवं केंचुआ खाद, 30 दिन का प्लंबिग का कार्य, 30 दिन का कटिंग टेलरिंग, 10 दिन का मधुमक्खी पालन तथा 13 दिन का कृषि उद्यमी कोर्स करवाने जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक युवक एवं युवतियां पीएनबी, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कांगड़ा, नजदीक राजकीय महाविद्यालय ओडोटोरियम, सिविल लाईन धर्मशाला में सम्पर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संस्थान के निदेशक महेन्द्र शर्मा से उनके दूरभाष नम्बर 94180-20861 या कार्यालय दूरभाष नम्बर 9459900660 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र प्रदान किये जाएंगे। जिसके माध्यम से प्रशिक्षणार्थी स्वयं रोजगार स्थापित करने के लिए आरसेटी के माध्यम से जिला कांगड़ा के किसी भी बैंक से मुद्रा ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिला नारकोटिक्स सैल की टीम ने डमटाल के भदरोया में एक दम्पति को 7.11 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। जिला नारकोटिक्स सैल की टीम के प्रभारी एएसआई हामिद मोहम्मद के नेतृत्व में अर्जुन, संदीप, दिलबाग, महिला आरक्षी लता व पुलिस कर्मी डमटाल के तहत गांव भदरोया में गश्त पर थे। इस दौरान सामने से आ रही बाइक पर सवार व्यक्ति व महिला घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे। शक होने पर पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनसे 7.11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिस पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी नूरपुर सुरिंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी दम्पति की पहचान साहिल कुमार पुत्र सोहन लाल और उसकी पत्नी पल्लवी निवासी मलोट, तहसील इंदौरा के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
कोरोना सकंटकाल मे मन्दी की मार झेल रहे लोग आर्थिक मदद के लिए जहां अपनो से आंखे चुरा रहे है तो कसबा-जगीर के जाने माने समाजसेवी मुकेश ठाकुर इन दिनो जहां भूखे गरीब को रोटी राशन, बिमारी से पीडित के उपचार हेतु नगद राशि, बेसहारा बेटियों की शादी पर आर्थिक मदद व स्कूली बच्चों को कॉपियां, किताबें व मोबाईल, बेरोजगार महिलाओं को सिलाई मशीने आदि देकर राहत देने मे जुटे हुए है।वही इसी कडी मे समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने जसवां परागपुर विधानसभा के कूहना, चामुखा शांतला व सयुल में जरूरतमंद बच्चों को किताबें वितरित की तो वहीं पंचायत सरड़, डोगरी, चमुक्खा, हार, मिटा की 6 गरीब जरुरतमंद महिलाओं को अपने जेब खर्चे से सिलाई मशीने प्रदान करके घर बैठे रोजगार मुहैया करवाया है। ताकि घर बैठ कर उक्त महिलाएं अपने परिवार की रोजी रोटी का खर्चा निकाल सके। इतना ही नही समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने परागपुर मे आयोजित विशाल भंडारे को भी अपनी ओर से 10 हजार रुपये का दान देकर पुन्य कमाया है ।समाज सेवी मुकेश ठाकुर ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन मे अनेकों उतार चढ़ाव देखे है। उन्होंने बताया कि हमारे परिवार के पास पैसा तक नही होता था। लोगो के लिए सच्ची श्रद्धा और समाजसेवा के लक्ष्य की सोच को लेकर बढ़ने से महामाई की इतनी कृपा हुई कि समाज सेवा का सपना साकार हो गया। इसी कड़ी में रविवार को धरोहर गांव परागपुर में बाबा बालक नाथ मंदिर में चल रहे भंडारे में समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने शिकरत की ओर भंडारे का आनंद लिया। वहीं अपनी तरफ से दस हजार रुपये भी भंडारे के आयोजन के लिए दिए। साथ ही समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने नलेटी, सेहरी ओर सरड़ डोगरी पंचायत में जरूरत मंद बच्चो को उनकी पढ़ाई के लिए किताबे प्रदान की। हाल ही में समाजसेवी मुकेश ठाकुर जसवां-परागपुर विधानसभा में समाज सेवा के क्षेत्र में एक बड़ा नाम उभर कर सामने आया है। अपनी नेक कमाई की रकम से लोगों की जरूरतें पूरा करना मानो उनका ध्येय बन चुका है। मुकेश ठाकुर की माने तो जितना लोगो मे बांटते है भगवान उन्हें दोगुना वापिस कर देते है। जसवां:परागपुर विधान सभा की महिलाएं जो घर बेठ कर सिलाई कड़ाई का कार्य करती है उनके लिए शीघ्र ही सिलाई मशीनो का प्रबन्ध किया जा रहा है। क्षेत्र की 200 पात्र महिलाओ को सिलाई मशीनें भी समाजसेवी मुकेश ठाकुर द्वारा वितरित की जाएगी। समाज सेवी मुकेश ठाकुर ने रविवार को गांव कटोह टिककर के दविन्द्र कुमार जिसका एक्सीडेंट हाल ही में हुआ था उसके उपचार हेतु अपनी ओर से पांच हजार रुपये भी दिए।
स्थानीय पंचायत के गांव बंडा में पुलिस थाना से तकरीबन 1 किलोमीटर दूर बीती रात सड़क किनारे रिहायशी मकान के लैंटर पर खड़ी स्विफ्ट डिजायर (एचपी36सी4784) निजी कार के चोरी होने की वारदात का मामला प्रकाश में आया है | उक्त कार के मालिक सुरजीत सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे जब वह रक्कड़ में जारी रामलीला खत्म होने के उपरांत घर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि लैंटर पर पार्क की गई कार गायब थी तथा घटनास्थल पर टूटे हुए कांच के टुकड़े पड़े थे | हालांकि कार मालिक सुरजीत ने चोरी की इस घटना के तुरंत बाद आसपास छानबीन की तथा पुलिस थाना रक्कड़ में इस चोरी की वारदात के बारे में सूचित किया | इस घटना की पुष्टि करते हुए रक्कड़ पुलिस थाना के प्रभारी चरंजीलाल शर्मा ने कहा कि पुलिस टीम गायब हुई कार की तलाश कर रही है तथा सड़क किनारे सभी सीसीटीवी की वीडियो फुटेज को खंगाला जा रहा है व जल्द ही कार को बरामद कर लिया जाएगा |
ढलियारा- डाडासीबा सडक के गांव बीहण मे लोक निर्माण विभाग की बडी लापरवाही सामने आई है। यहां लोक निर्माण विभाग द्वारा ढलियारा मार्ग गांव बीहण के पास पिछले दिनों पहले सड़क पर ब्लॉक टाइल का काम चला हुआ था और एक महीने के करीब रोड बंद रखने के पश्चात गत 5 अक्तूबर को ही उक्त सडक दोबारा आवाजाही के लिए खोली गई थी लेकिन हैरानी की बात यह है कि आज 10 दिनों बाद ही वहां पर जंगला टूट कर नीचे झुक गया है। ऐसे मे विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजमी है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग की इस कार्यप्रणाली पर सवाल खडे करते हुए कहा कि विभाग के ठेकेदार ने इस निमार्ण कार्य पर मात्र खानापूर्ति के लिए घटिया किस्म का लोहा प्रयोग किया है जो गाड़ियों की आवजाही शुरू होते ही दम तोड चूका है। वही ऐसे मे अब यहा से आने जाने वाले तमाम वाहनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और हादसा होने का भी अंदेशा बना हुआ है। विभाग को चाहिए कि इस टूटे और झुके हुए जंगले को शीघ्र ठीक करवाया जाए ताकि वाहन चालकों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। उधर इस संबंध में सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार देहरा से बात की गई तो उन्होंने बताया इस सड़क पर ब्लॉक टायल लगने के बाद जल्द ही सड़क को वाहनों के लिए खोला गया था। जो जंगला टूटा है या झुका है जल्द ही ठेकेदार को कहा गया है कि दो-तीन दिनों में ठीक करवाया जाएगा।
भारतीय संस्कृति के प्रतीक दीपावली पर्व पर कभी मिट्टी के बने 'दीयों' का इस्तेमाल होता था, लेकिन बदलते दौर के साथ मिट्टी के दीपक का स्थान विधुत उत्पादों ने ले लिया है। वर्तमान में आलम यह है कि शहरों से लेकर गांवों में मिट्टी का दीपक केवल परंपरा निभाने के नाम पर जलाया जाता है। फलस्वरूप मिट्टी के दीये बनाने वाले लोगों का रोजगार भी प्रभावित हुआ है। बाजारों में विद्युत् लड़ियों- झालरों की चमक-धमक ने मिट्टी के दीपक की रोशनी को फीका कर दिया है। लेकिन आज भी कुछ लोग इस परंपरा को जीवित रखे हुए हैं। इसी के चलते डाडासीबा तहसील के गांव जलेरा डाकघर बठरा निवासी मुकंद लाल करवा चौथ एवं दीवाली के नजदीक स्वयं द्वारा बनाये गए मिट्टी के करुए अर्थात मिट्टी के दीपक इन दिनों घर-घर जाकर बेच रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे बचपन से ही मिट्टी के दीपक एवं करुए बनाने का काम कर रहे हैं। यह काम पीढ़ी दर पीढ़ी चला हुआ है और वे आज तक इस परंपरा को निभा रहे हैं। वहीं उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी अब इस कार्य में दिलचस्पी नहीं दिखाती है। दीपावली के त्यौहार को लेकर बाजार इस समय रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा रहे हैं। वहीं अगर देखा जाए तो पिछले कई वर्षों से मिट्टटी से करुए एवं दीपक बनाने और बेचने वाले लोग भी अब कम ही दिखाई देते हैं। आधुनिकता के इस दौर में अब मिट्टी के दीपक और बर्तन बनाने वाले लोगों ने इस काम से किनारा कर लिया है। फलस्वरूप मिट्टी के दीपक दीवाली पर जलाने की पारम्परिकता अब लुप्त होती जा रही है, वहीं बाजारों में भी गिनी चुनी दुकानों में ही मिट्टी के दीपक नज़र आते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों व प्रकाश का त्यौहार है। इसलिए कुछ ऐसा करें जिससे अपने साथ-साथ औरों को भी खुशी मिले। इस दीवाली पर मिट्टी के दीये जलाएं। पारम्परिक भारतीय संस्कृति को मजबूत बनाएं। दीवाली की खरीददारी ऐसी जगह से करें, जो आपकी खरीददारी की वजह से खुशहाली भरी दीवाली मना सकें।
इन्दौरा के तयोडा में पहली बार धान की फसल की खरीद हो रही है। इसी के चलते किसानों में एक तरफ भारी उत्साह है, वही दूसरी तरफ हो रही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के कारण खरीद के लिए मारामारी पड़ गई है। लेकिन खरीद केंद्र में दो दिनों में सिर्फ 9 लोगों की 593 क्विंटल ही धान की खरीद हो पाई है। जिस कारण किसानों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दो दिनों से कई किसान ट्रालियों को लेकर धान खरीद केंद्र में बैठे है। वह अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। पहले दिन सिर्फ 2 किसानों की 86 कवंटल खरीद ही कर पाई। वही दो दिन में 9 किसानों की 593 क्विंटल खरीद हो पाई। बता दें कि प्रदेश सरकार व फुड कॉपरेशन ऑफ इडिया इस बार हिमाचल के किसानों से ही खरीद करेगी।
धर्मशाला: राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां में रोवर्स एवं रेंजर इकाई द्वारा नए शैक्षिणक सत्र 2021-2022 के लिए प्रवेश शिविर का आयोजन 11 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक ग्रुप लीडर डा.अशोक कुमार चौधरी, रोवर लीडर प्रो आशीष रंजन एवं रेंजर लीडर प्रो सुनीता कटोच के दिशा-निर्देश में किया गया। इस शिविर में सीनियर रोवर रेंजर ने आकांक्षी रोवर्स एवं आकांक्षी रेंजर्स को स्काउटिंग के इतिहास, सिद्धांत, नियम इत्यादि से अवगत करवाया एवं अपने अनुभव सांझा किए। शिविर के अंतिम दिन रेंजर लीडर प्रो सुनीता कटोच के दिशा-निर्देश में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें 12 रोवर्स एवं 18 रेंजर्स ने प्रवेश परीक्षा में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की।
कांगड़ा नई पेंशन स्कीम कर्मचारी एसोसिएशन के कांगड़ा जिला प्रधान रजिंदर मन्हास ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वर्तमान में हिमाचल के तीन विधानसभा क्षेत्र और एक लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहे है। उन्होंने कहा कि बड़े दुख की बात है कि प्रदेश की दोनों बड़ी पार्टियों में से पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर कोई प्रतिक्रियाअभी तक सामने नहीं आई है। जिससे हिमाचल के एक लाख एनपीएस कर्मचारी हैरान है। जिला प्रधान ने कहा कि पिछले 6 साल से हिमाचल के कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को बड़े जोर-शोर से दोनों पार्टियों के समक्ष उठाया है। लेकिन नई पेंशन स्कीम की मांग को नज़रअदाज़ करना उन कर्मचारियों के साथ धोखा है। जिला प्रधान ने कहा कि कोरोना काल में हर सरकारी कर्मचारी ने बड़े बेहतर ढंग से अपनी ड्यूटी की जहां लोग घरों में बंद थे। सरकारी कर्मचारी सड़कों पर, अस्पतालों में सेंटर और बैरियर पर हाई रिस्क में अपनी ड्यूटी कर रहा था। जिला प्रधान ने कहा कि तीसरी लहर के खतरे के बीच भी कर्मचारी लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए इन उपचुनाव में चुनाव ड्यूटी कर रहे हैं परंतु दोनों बड़ी पार्टियां इन कर्मचारियों की वर्षों से चली आ रही मांग पेंशन बहाली के मुद्दे पर खामोश है। जिला प्रधान ने दोनों बड़ी पार्टियों को पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर अपना रुख स्प्ष्ट करने का आग्रह किया है।
सर्वोदय कल्याण समिति थिल के द्वारा 15 अक्टूबर विजयदशमी माहोत्सव का शुभारम्भ खुन्डिया थाना प्रभारी प्यार चन्द ने 10 किलोमीटर मेराथन के आयोजन के साथ किया। इसमें लगभग 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समीपवर्ती क्षेत्र खुंडिया, थिल, बारी, पुड्वा धीरा और थुरल पंचायत से तमाम लोग कार्यक्रम में पहुंचे। थिल अकादमी के प्रवीण कुमार व खुन्डिया ईएसएम अकादमी के सयोंजक कर्नल मोहिंदर सिंह राणा और इलाके के लगभग 300 लोग उपस्थित रहे।
हरिपुर एनएसयूआई की बैठक गुरुवार को एनएसयूआई अध्यक्ष मोहित की अध्यक्षता में की गई। इसमें एनएसयूआई की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें उपाध्यक्ष अभिषेक, अतुल, साक्षी व मनप्रीत को सचिव चुना गया। इसके अलावा महाविद्यालय में लड़कियों की हेड शिवानी को बनाया है । इसके उपरांत सभी कक्षाओं के सीआर हेड भी बनाए गए, बीएससी फर्स्ट ईयर में ऋतिक, बीएससी सेकंड में सौरव ,बीएससी थर्ड में सारांश बीकॉम फर्स्ट में श्रुति, बीकॉम सेकंड में प्रियंका,बीकॉम थर्ड में दीक्षा,बीए फर्स्ट में पूनम, बीए सेकंड में निखिल, बीए थर्ड में अनमोल को क्लास हैड सीआर बनाया गया ।
उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ता गांव छिंकर डाकघर मझीन तहसील खुंडिया में एक 40 वर्षीय व्यक्ति द्वारा जहर निगलने का मामला आया सामने आया है। जिसमें व्यक्ति की मौत होने की जानकारी प्रकाश में आई है। बताया जा रहा है उक्त व्यक्ति ने किसी जहरीली वस्तु का सेवन किया था जिसे घरवाले उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल ज्वालामुखी ले गए जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है । मृतक की पहचान दिनेश कुमार पुत्र मान चंद गांव छिंकर के रूप में हुई है। जानकरी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति के शव को कब्जे में लिया वहीँ परिवारजन के बयान भी कलमबद्ध किये। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी चन्द्र ने बताया कि व्यक्ति ने किसी जहरीली वस्तु का सेवन किया है जिससे उसकी मौत हो गयी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार वालो को सौंप दिया जाएगा।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ते पुलिस थाना खुन्डियां की मझीन पुलिस चौकी के अंतर्गत स्थानीय पुलिस ने गाँव झोला में गश्त के दौरान चक्की की दुकान से 9 बोतल देसी शराब संतरा मार्का बरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी चंद्रपाल ने बताया कि पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ज्वालामुखी पुलिस मामले की गहनता से तफ़्तीष कर रही है।
युवा विकास सोसायटी द्वारा संचालित मां ज्वाला स्किल सेंटर द्वारा ज्वालामुखी विस की मझीन पंचायत में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना द्वारा चलाये जा रहे कोविड-19 बेसिक केयर सपोर्ट कोर्स के बारे में पंचायत प्रतिनिधियों व प्रधान प्रेमलता, उपप्रधान जसवीर राणा तथा सभी वार्ड मेंबरों को योजना की जानकारी दी गई। सेंटर संचालक नवरत्न गुप्ता ने बताया कि यह कोर्स सरकार द्वारा निशुल्क करवाए जा रहे हैं। जिसमें 1 महीने का प्रशिक्षण मां ज्वाला स्किल सेंटर ज्वालामुखी में करवाया जा रहा है तथा इनकी ऑन जॉब ट्रेनिंग जिला कांगड़ा के गवर्नमेंट में प्राइवेट हॉस्पिटल में 3 महीनों के लिए सरकार द्वारा निशुल्क करवाई जा रही है। सरकार द्वारा इन्हें 125 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 3 महीने तक दिए जाएंगे। इस मौके पर संस्थान के प्रशिक्षु तथा ऑन जॉब ट्रेनिंग पर कार्य कर रहे छात्रों ने भी पंचायत को इस योजना की जानकारी दी। इस मौके पर पंचायत सेक्रेटरी उदय सिंह, अतुल, पलक, मोनिका, रोहित, अनिता भी मौजूद रहे।
गुरुवार को परागपुर विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में बात करते हुए भाजपा युवा मोर्चा संगठनात्मक जिला देहरा के अध्यक्ष मुकेश सोनी ने जसवां-परागपुर कांग्रेस द्वारा मंत्री बिक्रम ठाकुर पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि हाल ही में उद्योग मंत्री को फतेहपुर का प्रभारी बनाए जाने पर कांग्रेस द्वारा उद्योग मंत्री पर टिप्पणी की थी। जिसकी वह घोर निंदा करते हैं। उन्होंने कहा उद्योग मंत्री की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस नेता को 2022 के लिए घबराहट हो रही है।
स्थानीय प्रशासन की तरफ से ज्वालामुखी के उपमण्डल अधिकारी धनवीर ठाकुर ने स्थानीय दुकानदारों और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वच्छता अभियान के तहत स्थानीय दुकानदार को स्वच्छता अवार्ड देकर सम्मानित किया। स्थानीय दुकानदार ऋषि राज ठाकुर ने बताया कि वे सोडा लेमन तथा चाय पान की दुकान करते हैं और वे दुकान और घर में भी हमेशा साफ सफाई का विशेष ध्यान रखते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत जब स्थानीय प्रशासन ने उनकी दुकान का निरीक्षण किया तो दुकान के अन्दर तथा बाहर की स्वच्छता को देखकर एसडीएम धनवीर ठाकुर ने उन्हें स्वच्छता अवार्ड से सम्मानित किया। स्वच्छता अवार्ड पाकर वे बहुत खुश हैं। इसके लिए उन्होंने स्थानीय प्रशासन का धन्यवाद किया है।
डाक विभाग उपमंडल देहरा द्वारा डीएवी स्कूल बनखंडी में हिमाचल प्रदेश परिमंडल स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित कि गई। इस प्रतियोगीता में डीएवी स्कूल के हर्षित कौंडल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उसे डाक विभाग द्वारा 5,000 नगद राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इसकी जानकारी प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा द्वारा दी गई, उन्होंने बताया कि यह हमारे विद्यालय और पूरे हिमाचल के लिए गौरव की बात है। हर्षित की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य ने हर्षित कौंडल को बधाई दी और साथ ही अन्य बच्चों को भी हर प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
राजकीय महाविद्यालय में इंदौरा कि महिला आयोग की अध्यक्षा प्रो रेखा पठानिया के द्वारा भाषण दिया गया। उन्होंने कहा कि भारत में लैंगिक समानता को विस्तृत करने के लिए शिक्षा, संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्राचीन समाज पुरूष प्रधान समाज था जिसमें स्त्री और पुरुषों में भेदभाव किया जाता था। महिला वर्ग घर की दहलीज को पार नहीं कर सकती थी। पंरतु आज कल शिक्षा के माध्यम से महिलाये इतनी जागरुक है कि वह पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करती है। भ्रूण हत्या, तलाक, यौन शिक्षा, बाल विवाह और दहेज प्रथा का पूर्ण उन्मूलन किया गया है। समानता का अधिकार प्राप्त है। 50% महिलाओं को आरक्षण दिया गया हैं। स्कूलों, महाविद्यालयों में भाषण प्रतियोगिताएं, सेमिनार इत्यादि रखे जाते है ताकि भेदभाव को पूर्ण रूप से मिटाया जाए। अब तृतीय लिंग को भी समानता दी गई है। हम सब को मिल कर दृढ़संकल्प लेना चाहिए कि लैंगिक असमानता को दूर करने के लिए भारत का प्रत्येक व्यक्ति यथा संभव प्रयास करे, और संपूर्ण भारत उन्नति की ओर अग्रसर हो।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते नेहरन पुखर में 14 अक्टूबर यानी गुरुवार को "हिमालयन राइडर " नामक शोरूम का डिप्टी कमांडेंट बीएसएफ मुकेश कुमार ने रिबन काटकर विधिवत ढंग से उद्घाटन किया। इस उद्घाटन समारोह पर डिप्टी कमांडेंट बीएसएफ मुकेश कुमार, निशांत राजपुत सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। नेहरन पुखर पेट्रोल पंप के समीप खुले इस नए शोरूम में अंतरराष्ट्रीय ब्रांडेड कम्पनी जावा की बाइक उपलब्ध है। वही इस उद्घाटन समारोह मे शौरुम मे मालिक निशांत ठाकुर ने बताया कि यहां क्षेत्र में बाइक का शोरूम खुलना ग्राहकों के लिए फायदे की बात है। इलाके भर के ग्रामीणों को ऐसे उच्च स्तर कम्पनी एवम मॉडल की बाइक की खरीददारी करने हेतु दूर दराज के इलाको में जाना पडता था। शोरूम उद्घाटन के पहले दिन ही यहां बाइक की जानकारी प्राप्त करने के लिए ग्राहको की भारी भीड देखी गई।
फतेहपुर मे उपचुनाव की घोषणा होते ही जिला प्रशासन पूर्ण रूप से सतर्क हो चुका है। इसी के तहत जिला भर में आचार सहिंता लगते ही प्रत्येक पुलिस थाना में लाईंसेंसी हथियार जमा करने के भी सख्त दिशा निर्देश जारी हो चुके थे। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने सख्त फरमान जारी करते हुए कहा है कि यहां क्षेत्रभर के तमाम बन्दूक धारी अपनी लाईंसेंसी बन्दूके व अन्य हथियार अगामी एक हफ्ते के भीतर पुलिस थाना देहरा कार्यालय मे जमा करवाएं। वरना चेकिंग के दौरान जिस किसी उपभोक्ता के पास से भी हथियार बरामद हुआ तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
भारतीय डाक विभाग द्वारा 9 से 16 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को देहरा डाक मण्डल द्वारा डीएवी स्कूल वनखंडी में फिलैटली दिवस के अवसर पर फिलैटली संबन्धित कई गतिविधियाँ की गयी। इस फिलैटली दिवस पर डीएवी स्कूल वनखंडी में विद्यार्थियों द्वारा बढ़-चढ़ कर भाग लिया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत सहायक अधीक्षक देहरा मण्डल सनी भारद्वाज, निरीक्षक देहरा उपमण्डल राजेश धीमान तथा प्रधानाचार्य डीएवी स्कूल वनखंडी सुभाष शर्मा द्वारा दीप ज्योति प्रज्वलित कर की गयी। इस दौरान विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह व फिलैटली के बारे में विस्तार में बताया गया तथा साथ में विभिन्न डाक टिकटों का प्रदर्शन भी किया गया। मौके पर सहायक अधीक्षक देहरा मण्डल द्वारा विद्यार्थियों को समझाया गया कि डाक संग्रह किस प्रकार इतिहासिक घटनाओं के संग्रह के साथ-साथ ज्ञानवर्धक भी होता है, जोकि विद्यार्थियों हेतु लाभदायक है।
पुलिस चौकी डाडा सीबा में बुुुधवार को बतौर इंचार्ज राजेश द्विवेदी ने अपना कार्यभार संभालते ही मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि यहां इलाके भर में क्राइम पर अकुंश लगाना और नशे के सौदागरों पर नकेल कसना मेरी हमेशा प्रथमिकता रहेगी। चौकी इंचार्ज राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्थानिय ग्रामीण यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों व नशा बेचने वालों के खिलाफ खुल कर सामने आएं और उनकी शिकायत जिला पुलिस की यातायात हेल्प लाइन पर दें। ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नकेल कसी जा सके। साथ ही उन्होंने इस दौरान डाडा सीबा वासियों संग आस पास के क्षेत्रों के लोगो से यह भी अपील की है कि करोना संकटकाल मे बिना वजह बाहर न घूमे और अगर कोई सड़क दुर्घटना का शिकार होता है तो उसकी तुरन्त सहायता करें तथा घायल को बिना किसी डर के नजदीक के अस्पताल पहुंचाने का काम करे। उन्होंने कहा की घायल को अस्पताल पंहुचाने वाले पर कोई कानूनी कार्रवाई अमल में नहीं लाई जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर नशे के सौदागरों के खिलाफ कोई भी सूचना लोगो को मिलती है तो इसकी जानकारी भी पुलिस के साथ साँझा करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
जयसिंहपुर उपमंडल के तहत शनिवार को ब्यास नदी में बहे हलेड़ निवासी कर्मचंद का शव बुधवार को बरामद हुआ है। ब्यास नदी के साथ हरोटी खड्ड में लगे क्रशर के समीप जब एनडीआरएफ व पुलिस की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी, उस समय पर कर्मचंद का शव एक जगह फंसा हुआ मिला। सोमवार को एनडीआरएफ की टीम ने सर्च आपरेशन शुरू किया था। लेकिन कोई भी सफलता नहीं मिल रही थी। बुधवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने शव बरामद कर लिया। वही पुलिस थाना लंबागांव के थाना प्रभारी केसर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल हॉस्पिटल पालमपुर भेज दिया गया है। जिसे बाद में परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर गत सांय जिला कांगड़ा के मैक्लाॅडगंज में तिब्बती युवा कांग्रेस की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित स्वर्ण जयंती सांस्कृतिक कार्यक्रम में उपस्थित हुए। निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रेजिडेंट पेन्पा शेरिंग ने राज्यपाल को सम्मानित किया। आयोजन में भारतीय व तिब्बती संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश कुमार, केन्द्रीय तिब्बती प्रशासन के सभा पति खेन्पो सोनम, मुख्य न्यायाधीश डागपो सोनम, उप-सभापति डोलमा शेरिंग, तिब्बती युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गोन्पो धोन्दुप, उपायुक्त कांगड़ा निपुन जिन्दल, पुलिस अधीक्षक कुशाल शर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।


















































