डीएवी भड़ोली स्कूल के बच्चों ने तीन दिवसीय बाल विज्ञान मेलें में अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने बताया कि यह प्रतियोगिताएं 8 से 10 नवंबर 2021 के बीच ज्वालामुखी के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में ऑनलाइन करवाई गई थी। इसमें हमारे विद्यालय के 7 बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पहला, दूसरा और तीसरा स्थान अर्जित कर विद्यालय के नाम को रोशन किया। जिसमें गणित ओलंपियाड सीनियर वर्ग में दसवीं कक्षा की प्रांजल चौधरी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वही साइंस एक्टिविटी जूनियर रूलर में आठवीं कक्षा की शांभवी शर्मा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया और साइंस एक्टिविटी सीनियर रूलर में दसवीं कक्षा की आकृति ने पहला स्थान प्राप्त किया। साइंस प्रश्नोत्तरी स्पर्धा रूलर वर्ग में माही और अक्षित चौधरी ने पहला स्थान प्राप्त किया और सीनियर सेकैंडरी में बारहवीं कक्षा के अर्चिता जैन और यतिन शर्मा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने बच्चों की इस उपलब्धि पर उन्हें और उनके अध्यापकों को बधाई दी और दूसरे बच्चों को भी हर प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष लालजी देसाई व प्रदेशाध्यक्ष अनुराग शर्मा के आदेशानुसार जसवां, परागपुर विधानसभा के रक्कड़ में 3 दिवसीय ‘‘सहयोगी’’ प्रशिक्षण शिवर का शुम्भारभ किया गया। जिसमें प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने विधिवत रूप से कार्यक्रम की शुरुआत की। 11 बजे ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी जसवां परागपुर के अध्यक्ष सुरेन्द्र मनकोटिया ने शिविर कमांडेट मनोहर लाल कौंडल की अध्यक्षता में ध्वजारोहण किया, जिसके पश्चात ‘‘सहयोगी’’ प्रशिक्षण शिवर के बौद्धिक कक्षा व शिविर की अन्य गतिविधियां की गई। ‘‘सहयोगी’’ प्रशिक्षण शिवर के प्रथम दिन कुल 45 लोग उपस्थित रहे। जिनमें विशेष रूप से सुरेन्द्र मनकोटिया व सुरेन्द्र गर्ग, प्रदेश अध्यक्ष अनुराग शर्मा, कैंप कमांडैंट मनोहर लाल कौंडल, कैंप संयोजक संजीव जसवाल, कैंप सह-संयोजक जगबीर सिंह गग्गी, पुरुषोत्तम प्रकाश कार्य नायक, पवन चौधरी, मुख्य प्रशिक्षक सोमा चैहान वास्तु नायक, वीरेन्द्र कुमार ठाकुर कार्यालय नायक, शशीभूषण गुप्ता, जीत सिंह राणा संतरी नायक, दीनू राही गीत नायक, बीरेन्द्र ठाकुर स्वास्थ्य नायक, गुरचरण सिंह आवास नायक, विक्रमजीत सिंह संचार व प्रचार-प्रसार नायक और हेमंत राणा संचार व प्रसार नायब इत्यादि पदाधिकारियों ने भाग लिया।
उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने देहरा अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। ताकि कोविड संक्रमितों के उपचार में मदद मिल सके। शुक्रवार को उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने देहरा अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करने के उपरांत ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए चल रहे कार्य का भी जायजा लिया। इससे पहले कूहना में कोविड टीकाकरण केंद्र तथा कोविड को लेकर चल रहे सर्वेक्षण अभियान का निरीक्षण भी किया। उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने कहा कि कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क तथा सजग है। इसी कड़ी में देहरा अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है ताकि देहरा तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के कोविड संक्रमितों को उपचार की बेहतर सुविधा मिल सके। उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने कहा कि नागरिक अस्पताल देहरा, कांगड़ा, नुरपुर, बैजनाथ तथा पालमपुर में सांय चार बजे के बाद भी कोविड वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की गई है। ताकि दुकानदारों, व्यापारियों या अन्य लोग जो दिन में कोविड टीकाकरण करवाने में असमर्थ हैं उनको टीकाकरण की सुविधा मिल सके। निपुण जिंदल ने कहा कि कांगड़ा जिला में कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के लिए अभियान तेज किया गया है तथा अब प्रत्येक पंचायत में टीकाकरण सेशन भी आयोजित किए जा रहे हैं। एक पंचायत में सप्ताह में एक बार टीकाकरण सेशन आयोजित किया जाएगा इस के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दे दिए गए हैं। उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है तथा सभी नागरिकों को टीकाकरण के लिए आगे आना चाहिए। निपुण जिंदल ने कहा कि कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसके साथ ही कोविड के उपचार के लिए अस्पतालों में भी उचित व्यवस्था की गई है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्वविद्यालय देहरा परिसर ईकाई ने शुक्रवार स्वर्गीय सुनिल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर अर्जुन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अर्जुन ने स्वर्गीय सुनिल उपाध्याय के जीवन संघर्ष के विषय में उपस्थित कार्यकर्ताओं को अवगत करवाया तथा उनके विचारों पर आगे चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ,"जिस बीज को स्वर्गीय सुनिल उपाध्याय ने उस समय की परिस्थितियों के हिसाब से बोया था। आज हिमाचल प्रदेश में अभविप उस बीज से एक वटवृक्ष की भांति कार्य कर रहा है"। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देहरा जिला संयोजक हेमंत ठाकुर ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ,"आज विश्वविद्यालय ईकाई ने संगोष्ठी का आयोजन किया तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। साथ में ही आज हिप्र केन्द्रिय विश्वविद्यालय देहरा परिसर की नव कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इस अवसर पर जिला छात्र विस्तारक अवनीश शुक्ला ने चुनाव अधिकारी के रूप में नव कार्यकारिणी की घोषणा कि सत्र 2021-22 की नव कार्यकारिणी में ईकाई अध्यक्ष चन्दन ठाकुर को तथा सचिव ठाकुर दीक्षित धलारिया को चुना गया। ईकाई उपाध्याक्ष आलम चन्द, शीतल, अनिता,शबनम, सह-सचिव हरीश राणा, विजय, योगराज, ज्योति, सोशल मीडिया प्रमुख आशुतोष, प्रैस सचिव नीतिश, एसएफएस प्रमुख ट्विकंल, एसएफडी प्रमुख अभिलाष, राष्ट्रीय कला मंच प्रमुख शेख शमीमा सह-प्रमुख महेन्द्र, राजनीती शास्त्र विभाग प्रमुख सुषमा भाटिया, इतिहास विभाग प्रमुख राहुल, समाजसेवा विभाग प्रमुख सौरभ, समाजशास्त्र विभाग प्रमुख रजत व ईकाई सदस्य अनिता, पूनम, नेहा वर्मा, देवांश, अजीत इत्यादि को चुना गया।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अक्षय सिंह डढवाल ने कहा कि अभिनेत्री कंगना लगातार समाज में द्वेष फैलाने वाले वक्तव्य दे रही हैं। हाल ही में जो उनका बयान देश की आजादी को लेकर आया है वह लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला है। भारत एक लोकतांत्रिक देश है और हम सभी को अपनी विचारधारा को अपनाने की स्वतंत्रता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है की स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजाद कराने के लिए जो कुर्बानियां दी है उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाए। कंगना द्वारा सिर्फ और सिर्फ एक पार्टी को क्रेडिट दिया जाना उचित नहीं है। जिस प्रकार से कंगना ने देश की आजादी 2014 से बाद मिली है और जो 1947 में जो आजादी मिली थी वह सिर्फ भीख मात्र थी ,ऐसा कहना निंदनीय है और आम जनमानस की भावनाओं को आहत करता है। भारत सरकार को उचित कार्रवाई करते हुए और देश के स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए इस प्रकरण पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। कंगना से पदम् श्री वापस लेना चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी निंदनीय बयान देने से पहले हजार बार सोचे।
शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर के धौलाधार इको क्लब द्वारा पौधा गोद लेने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन के दौरान छात्र स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में पहले से मौजूद पौधों को अपनाया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ प्रदीप कौण्डल ने छात्रों को अपनाए गए पौधे की पोषण, पानी व उचित देखभाल करने का संकल्प दिलवाया। छात्रों को पौधों की पहचान करने और उनकी किफायती या औषधि महत्व को खोजने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रो अनुराधा शर्मा, प्रो स्वाति महाजन, प्रो विपिन और प्रो तृप्ता शर्मा मौजूद रहे।
जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग धर्मशाला द्वारा प्रदेश की युवा प्रतिभा को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागिता का अवसर प्रदान किया जाता है। विकास खंड भवारना से युवा स्वयंसेवी राजेंद्र कुमार व सहयोगी स्वयंसेवी अर्शित द्वारा खंड स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन युवा मंडल लोहना के सौजन्य से गवर्नमेंट को-एजुकेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुग्गर, पालमपुर में हर्षोल्लास के साथ किया गया। जिसमें से विजेता प्रतिभागियों को जिला स्तरीय उत्सव 2021 में प्रदर्शन करने के लिए चयनित किया गया। मुख्यातिथि के तौर पर एसडीएम पालमपुर अमित गुलेरिया, स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेश जम्बाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अमित गुलेरिया ने युवा उत्सव में पधारे प्रतिभागियों, विद्यालय के अध्यापकों, गणमान्य व्यक्तियों व प्रभुत्व जनता को संबोधित किया। उन्होंने एक और कोरोना महामारी से बचने का संदेश दिया व साथ में प्रतिभागियों का खूब मनोबल बढ़ाया और उन्हें आशीर्वाद दिया। प्रतियोगिता में बतौर निर्णायक मण्डल की भूमिका विक्रम बत्रा महाविद्यालय की प्रवक्ता डॉ० आशु फुल्ल तथा विद्यालय की अध्यापिकाओं आभा पीटर और उर्मिला कटोच ने निभाई। मंच संचालन में घुग्गर स्कूल के लेक्चरर सुमित सूद जी ने खूब वाह-वाही लूटी। इस खण्ड स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसके अंतर्गत लोक नृत्य, लोकगीत, कत्थक, तबला वादन, हारमोनियम व अन्य प्रस्तुतियां हुई। सर्वप्रथम लोकनृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर विक्रम बत्रा महाविद्यालय से झमाकड़ा के विजयी प्रतिभागी शिवांगी, नमिता, शालू, रागिनी, मिनाक्षी, मुस्कान, श्वेता, शबनम, शिवानी, सलोनी, प्रिया शर्मा, सलोनी, शाक्षी, शिवाक्षी, अनीश, शिल्पा, नैंसी मेहरा,शैल धीमान तथा उपविजेता भी इसी महाविद्यालय से गदियाली लोकनृत्य की टीम रही ।
जिला नारकोटिक्स सैल की टीम ने छन्नी वेली गाँव में एक घर मे दबिश देकर एक महिला को भारी मात्रा में नशे की खेप सहित काबू करने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार डीएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा ने बताया कि कल देर शाम नारकोटिक्स सैल की टीम के प्रभारी हामिद व मुख्य आरक्षी विपन शर्मा की टीम को गुप्त सूचना मिली की छन्नी वेली में एक महिला अपने घर मे नशे का कारोबार करती है। जिस पर कार्यवाही करते हुए छन्नी वेली स्थित नशे का कारोबार करने वाली महिला के घर मे दबिश दी और सर्च अभियान चलाया। इस दौरान महिला के घर से 6.03 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। चिट्टे सहित पकड़ी गई महिला की पहचान नीतू पत्नी विजय कुमार निवासी छन्नी वेली के रूप में हुई है। नारकोटिक्स टीम ने महिला से पकड़ी गई नशे की खेप को कब्जे में लेकर गिरफ्तार महिला के खिलाफ थाना डमटाल में मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के साथ पंजीकृत श्रमिकों को प्रदेश सरकार जीवन भर विभिन्न योजनाओं के तहत लाखों की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाती है। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नंगल चौक में श्रमिकों के लिए आयोजित जागरुकता शिविर में कामगारों को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने यह बात कही। श्रम विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में उन्होंने बताया कि एक वर्ष में कम से कम 90 दिन तक मनरेगा, सरकार/पंचायत द्वारा संचालित निर्माण कार्य या निजी निर्माण कार्य में कार्यरत कोई भी श्रमिक विभाग के साथ पंजीकृत हो सकता/सकती है। उन्होंने बताया कि विभाग से साथ पंजीकृत कामगारों और उनके परिवार को आजीवन बच्चों की पढ़ाई, विवाह, मातृत्व/पितृत्व प्रसुविधा, चिकित्सा सहायता, विकलांगता पैंशन सहित मृत्यु तक आर्थिक सहायता देने का कार्य सरकार करती है। उद्योग मंत्री ने कार्यक्रम में बोर्ड के साथ पंजीकृत 854 मनरेगा कामगार लाभार्थियों को पंजीकरण पहचान पत्र वितरित किए और अन्य लोगों को भी बोर्ड के साथ जुड़कर सरकार की योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने शगुन योजना के तहत आर्थिक तौर पर कमजोर 15 परिवारों को कन्या विवाह हेतु 465000 रूपये के चेक भी वितरित किए। इस अवसर पर एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर, जिला श्रम अधिकारी आर.के शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति विभाग संदीप चौधरी, बीडीओ परागपुर कंवर सिंह, नायब तहसीलदार डाडासीबा अभिराय ठाकुर, प्रधान ग्राम पंचायत नंगल चैक अनीता कुमारी, प्रधान ग्राम पंचायत जण्डौर सुरेश ठाकुर, अनिता सुपेहिया, महामंत्री विरेंद्र ठाकुर, हरबंस कालिया, कुलविंदर पठानिया, श्रम विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में मनरेगा कामगार उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय मटौर में गुरुवार को भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अब्दुल कलाम आज़ाद कि जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ अतुल आचार्य ने मौलाना अब्दुल कलाम के जीवन पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने मौलाना की भारत की आज़ादी की लड़ाई में उनकी सक्रिय भूमिका के विषय में भी विद्यार्थियों को बताया। भारत के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में उनकी शिक्षा के क्षेत्र में भूमिका और साथ ही उनके द्वारा स्थापित की गयी संगीत, नाटक अकादमी, साहित्य अकादमी एवं ललित कला अकादमी की जानकारी दी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की स्थापना उनके उल्लेखनीय कार्यों में से एक है। आज के कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या प्रो शुभ्रा गुप्ता ने की। विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए शिक्षा का जीवन में क्या महत्व है इस विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के ज़िंदगी के कुछ रोचक पहलुओं को भी विद्यार्थियों के साथ साँझा किया और सभी को ऐसी महान हस्तियों के जीवन से तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अन्य आचार्य भी मौजूद रहे।
डमटाल के लोधवां में लगा स्टोन क्रेशर जो की विभागीय कागजों में पिछले 2 वर्षों से बंद पड़ा है। इसके बावजूद क्रेशर संचालक लगातार अपने प्लांट को चलाकर मोटी कमाई करते हुए हिमाचल के राजस्व को करोड़ों रुपए की चपत लगा रहा है। लोधवां गांव में लगा स्टोन क्रेशर जिसके खनन विभाग द्वारा लीज और मान्यता रद्द कर दी गई है। विद्युत विभाग को इस प्लांट पर लगे विद्युत कनेक्शन को काटने के लिए लिखित में दिया गया था। क्योंकि क्रशर संचालकों द्वारा प्लांट चलाने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई थी। जिसके बाद भी खनन विभाग ने क्रशर प्लांट पर लीज रद्द कर प्लांट को बंद करने के आदेश जारी किए थे और विद्युत सप्लाई भी काट दि गयी थी। क्रशर संचालक बंद पड़े क्रशर को बिजली चोरी करते हुए और अवैध खनन को अंजाम देते हुए अवैध रूप से क्रेशर चला रहा है। रोजाना प्लांट से निकलने वाले दर्जनों रेत बजरी के भरे ओवरलोड वाहनों की कतारें खनन व विद्युत विभाग व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को नहीं दिख रहे। जिससे यह साफ जाहिर होता है कि प्रशासन की मिलीभगत से अवैध रूप से क्रेशर प्लांट को चलाया जा रहा है |
ज्वालामुखी उपमंडल के बाल विज्ञान मेले का आयोजन कन्या विद्यालय ज्वालामुखी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रवीण शर्मा द्वारा किया गया। इस विज्ञान मेले में विज्ञान प्रश्नोतरी, मैथेमैटिक्स ओलम्पियाड, सांइस एक्टिविटी कार्नर के जूनियर, सीनियर व सीनियर सेकंडरी वर्ग में लगभग 390 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लिया। विज्ञान प्रश्नोतरी के जूनियर(ग्रामीण) वर्ग में प्रथम - लौरेट ग्लोबल स्कूल कथोग से सक्षम व प्रज्ञा, द्वितीय - राउपा डोल से कंचन व शिवम, तृतीय - आरएनटी रेखा से हर्षिता व वैभव, जूनियर (शहरी) वर्ग में प्रथम - महात्मा गांधी स्कूल ज्वालामुखी से अंशुमन व कशिश, द्वितीय - रावमापा (बाल) ज्वालामुखी से लक्ष्य व अक्षित, सीनियर (ग्रामीण) वर्ग में प्रथम - डीएवी भड़ोली से अक्षित व माही, द्वितीय - आरएन टी रैंखा से एंजेल व रीतिका, तृतीय (संयुक्त रूप से ) - यूनिक मॉडल स्कूल कथोग से सिमरन, प्राची व रायपा अम्ब पठियार से अक्षिता व पायल सीनियर(शहरी) वर्ग में प्रथम - रावमापा (कन्या) ज्वालामुखी से सिमरन व जिया, द्वितीय - रावमापा (बाल) ज्वालामुखी से गणेश व सागर , तृतीय - महात्मा गांधी स्कूल ज्वालामुखी से सरगम व विनायक रहे। त्रिदिवसीय बाल विज्ञान मेले के सफल आयोजन में समस्त रिसोर्स पर्सन, कार्यक्रम समन्वयक रविन्द्र शर्मा, राजेश कुमार व धनवीर सिंह, स्थानीय पाठशाला के समस्त स्टाफ व प्रधानाचार्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विश्व पत्रकार महासंघ की विशेष बैठक आज ज्वालामुखी के अंबा होटल में संपन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक संजय कुमार शुक्ला ने की तथा इसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। इस बैठक में बताया गया कि विश्व पत्रकार महासंघ किस तरह से पत्रकारों की प्रमुख मांगों को राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर सरकार के ध्यान में रख रहा है और पत्रकारों के हितों की समय-समय पर मांग बुलंद कर रहा है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार शुक्ला ने संघ के कार्यों, गतिविधियों और उद्देश्यों के बारे में उपस्थित पत्रकारों के समक्ष विस्तार से बखान किया और बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों के हितों की आवाज हमेशा संघ उठाता रहेगा और उनके अधिकारों की रक्षा करने के लिए हमेशा आगे खड़ा रहेगा। इस मौके पर कई गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया l
केंद्रीय विद्यालय नलेटी ने राष्ट्रीय शिक्षा दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा तीसरी से लेकर बाहरवीं तक के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य स्वाति अग्रवाल के द्वारा मौलाना अब्दुल कलाम आजाद की प्रतिमा के माल्यार्पण के साथ हुई। संजीव कुमार पीजीटी रसायन विज्ञान ने बच्चों को इस दिन की महत्ता के बारे में बताया। उसके बाद बच्चों के लिए निबंध लेखन, नारा लेखन, कार्ड मेकिंग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने इस शुभ अवसर पर शिक्षा से संबंधित एक रैली भी निकाली। विद्यालय की प्राचार्य स्वाति अग्रवाल ने बच्चों को इस दिन की शुभकामनाएं दी और अपनी शिक्षा में दिन प्रतिदिन उन्नति करने के लिए प्रेरित किया।
इंदौर के तारा खड में सरेआम दिनदहाड़े भारी मशीनरी द्वारा खनन कर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। गौरतलब है कि जिस जगह पर खनन हो रहा है वहां से इंदौरा पंचायत का श्मशान घाट महज 1 मीटर की दूरी पर स्थित है तथा वहां से कोडसा पंचायत में स्थित गुजरबस्ती कुछ ही मीटर के फासले पर है। अगर तारा खड में इस प्रकार खनन होता रहा तो वह दिन अब दूर नहीं जब इंदौरा का श्मशान घाट और ग्राम पंचायत में स्थित गुर्जर बस्ती की जमींन बैठ जाएगी। वंही इस बारे में जब खनन अधिकारी राजीव कालिया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सहायक निरीक्षक को मौके पर भेज कर स्थिति का जायज़ा लिया जाएगा।
प्रकाशो देवी(80) पत्नी स्वर्गीय गनर जीत सिंह, गांव छडंबू,(घरना) तहसील खुंडिया पिछले छह सात सालों से अपने पति की पैंशन के लिए गुहार लगाए बैठी थी। उस के पास अपने पति की पैंशन संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं है जिस के अभाव में पैंशन का केस आगे नहीं बढ पाया। रिकार्ड आफिस से भी जानकारी लेने की कोशिश की गई लेकिन जीत सिंह का सही आर्मी नंबर ने मिलने के कारण केस आगे नहीं बढ पाया। बिना पैंशन या कोई आर्थिक सहायता के प्रकाशो देवी का जीवन संकट मे गुजरने लगा। इस के दो बेटे हैं और मजदूरी कर के अपना परिवार पालते हैं। दो महीने पहले ही जीत सिंह का सही आर्मी नंबर का पता चला। उसी समय पूर्व सैनिक संगठन खुंडिया के अध्यक्ष सेवानिवृत्त ले कर्नल एम एस राणा ने पैंशन संबंधित आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही स्टेशन हेडक्वार्टर योल से अनुरोध किया कि प्रकाशो देवी को आर्थिक मदद दी जाए।आर्मी ने तुरंत केस का वेरीफिकेशन किया और ₹100000 (एक लाख) की मदद राशी दी। आज लैटर की कापी दिखाते हुए अध्यक्ष ने बताया कि ऐसा तहसील खुंडिया मे पहली बार हुआ है कि इतनी बड़ी आर्थिक मदद किसी बेसहारा पूर्व सैनिक की विधवा को मिली है। इस अवसर पर कैप्टन देश राज, कैप्टन संसार चंद, कैप्टन अमर सिंह, सूबेदार मेजर बिहारी लाल व सूबेदार दलीप सिंह उपस्थित रहे। सभी ने सेना का इस नेक कदम के लिए आभार व्यक्त किया है।
देहरा गुलेर बस के शाम के समय भी चल पढ़ने से इलाके के लोगों में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि यह बस दिन में देहरा से गुलेर बाया बासा मेहवा दो चक्कर लगाती थी लेकिन कोरोना के चलते यह बस पहले तो लम्बे समय तक बंद रही और उसके बाद परिवहन विभाग द्वारा इस बस को लोगों की सुविधा को देखते हुए सुबह के समय रूट पर बहाल कर दिया गया था लेकिन शाम के समय इस बस के रूट पर ना आने की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिसके बारे में परिवहन विभाग से शिव शक्ति युवा क्लब ने तथा ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों ने मांग की कि इस बस को शाम के समय भी रूट पर बहाल किया जाए ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। अब विभाग ने इस बस को शाम के समय रूट पर चला कर इलाके के लोगों को सौगात बख्शी है। शिव शक्ति युवा क्लब बासा के प्रधान बाबूराम ने बताया की देहरा गुलेर बस एक कामयाब बस रूट था और यह बस कभी संडे को भी मिस नहीं होता था क्योंकि परिवहन विभाग के लिए अच्छी कमाई कर यह बस दे रही थी। लेकिन कोरोना के चलते कई रूटों पर बसें बंद हुई थी जिसके चलते विभाग को इस बस को भी बंद करना पड़ा था। लेकिन अब विभाग ने शाम के समय इस बस को चला कर इलाके के लोगों को सुविधा दी है। इसके लिए हमारा युवा क्लब तथा ग्राम पंचायत समस्त प्रतिनिधि तथा इलाके की जनता क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो देहरा तथा परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर का आभार व्यक्त करता है। शिव शक्ति युवा क्लब ने लोगों से अपील की है कि अब ज्यादा से ज्यादा इस बस की सुविधा का लाभ उठाएं।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते हरिपुर के समीपवर्ती क्षेत्र गुलेर के वाशिंदों द्वारा पानी की समस्या हेतु अधिवक्ता शिवेंद्र सिंह सैनी की अध्यक्षता में एसडीओ हरिपुर आईपीएच मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ता शिवेन्द्र सिंह सैनी ने जानकारी देते हुआ कहा कि बुधवार को गुलेर पंचायत का एक प्रतिनिधिमण्डल एसडीओ हरिपुर से मिला और उन्हें गुलेर पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में आ रही पानी की समस्या से अवगत करवाया और साथ में बताया गया कि केवल और केवल पूरे दिन में यहाँ नाम मात्र पानी आता है यानी लगभग पूरे दिन में एक बाल्टी पानी आती है जिससे घर का गुज़ारा करना बहुत मुश्किल होता है। गुलेर के कुछ क्षेत्रों में पानी की पाइपें डाल दी गई हैं परंतु कई महीनो से नलके के कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। इस समस्या का तुरंत हल करें अन्यथा गुलेर के वंचित नागरिक जो आज यहाँ पर एकत्रित हुए हैं और जिनके हस्ताक्षर किए गए हैं आगामी संघर्ष के लिए वाध्य होंगे और आपके कार्यालय में धरना देने के लिए मजबूर होंगे, इस मौक़े पर ग्राम पंचायत प्रधान सोनिया और गुलेर की महिलाएँ, वरिष्ठ नागरिक एवं युवा साथी उपस्तिथ रहे। वहीं इस संदर्भ में जल शक्ति विभाग हरिपुर के एसडीओ मनीष कुमार ने बताया की आज गुलेर के वाशिंदे पानी की समस्या को लेकर पहुंचे थे, वहीं विभाग द्वारा लोगो को पूर्णतः आशावासन दिया गया है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा ताकि लोगो को किसी भी समस्या का सामना करना न पड़े।
एसडीओ संजीव कुमार से प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार को 33/11 केवी विद्युत उप केन्द्र मारण्डा और होलटा यार्ड में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस कारण 21 केवी फीडर मारण्डा, घुग्घर, राजपुर, बन्दला, सरकारी सिद्धपुर इत्यादि क्षेत्र प्रभावित रहेगें। इन फीडरों के अन्तर्गत आने वाले उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति सुबह 9:30 बजे से कार्य समाप्ति तक बाधित रहेगी। किन्ही कारणों से कार्य में व्यवधान होने की वजह से कार्य की सूचना आगामी दिनों में दे दी जाएगी।
उपायुक्त कांगड़ा ने मटौर-शिमला तथा मंडी पठानकोट फोरलेन निर्माण के लिए भू अधिग्रहण कार्यों में तेजी लाने निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने फोरलेन के निर्माण के लिए वन अधिकार अधिनियम एफआरए के तहत पेड़ों के कटान के मामलों को निपटाने के लिए भी उचित कदम उठाने के निर्देश जारी किए है। इसके साथ ही फोरलेन निर्माण की जद में आने वाले भवनों की लागत का मूल्यांकन प्रक्रिया आरंभ करने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि फोरलेन निर्माण कार्य आरंभ होने से पहले प्रभावितों को मुआवजा प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि मटौर-शिमला फोरलेन के तीन पैकेज तथा सब पैकेज निर्धारित किए गए हैं। इसमें कांगड़ा जिला में 54 किलोमीटर फोरलेन का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं मंडी-पठानकोट फोरलेन के तहत पांच पैकेज तथा सब पैकेज निर्धारित किए गए हैं, जिसमें कांगड़ा जिला में 124 किलोमीटर फोरलेन का निर्माण प्रस्तावित है। इस अवसर पर एडीएम रोहित राठौर सहित मंडी पठानकोट तथा मटौर शिमला फोरलेन निर्माण से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित थे।
जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डॉ.निपुण जिदंल ने कांगड़ा जिला में आपदा प्रबंधन एक्ट, 2005 की धारा 34 के तहत आदेश जारी करते हुए कहा कि हाल फिलहाल में लाहौल स्पिति तथा किन्नौर में ट्रैकर्ज के साथ पेश आई दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला में तीन हज़ार मीटर से ऊपर के सभी पर्वतीय दर्रों में आगामी आदेशों तक ट्रैकिंग पर प्रतिबंध लगाया जाता है। उन्होंने बताया कि यह आदेश आम जनता और ट्रैकर्ज की सुरक्षा के मद्देनजर जारी किये गये हैं। आदेशों की उल्लंघना करने वालों के विरूद्ध आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 की धारा 51-60 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कांगड़ा जिला में आपदा प्रबंधन को लेकर सात स्वचालित मौसम स्टेशन स्थापित किए गए हैं। जिनका मंगलवार को उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने विधिवत रूप से शुभारंभ किया। इस बाबत स्वचालित मौसम स्टेशन के बारे में जानकारी देने के लिए उपायुक्त कार्यालय के सभागार में पंचायत प्रतिनिधियों की एक वर्कशाप भी आयोजित की गई। उपायुक्त ने बताया कि प्रारंभिक चरण में स्वचालित मौसम स्टेशन कांगड़ा जिला के आवेरी, बीड़, खास, दरूग, नपोहता, कोहर खास, करनाथू तथा डंडेल में स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से मौसम के पूर्व जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले चरण में जिला के अन्य मौसम की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में भी स्वचालित मौसम स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। आपदा प्रबंधन में यह मौसम स्टेशन काफी कारगर साबित होंगे। किसी भी तरह की भारी बारिश, आंधी, तूफान इत्यादि के बारे में मौसम स्टेशन के उपकरणों के माध्यम से अलर्ट की सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ-साथ संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों तक भी पहुंचेगी ताकि मौसम के पूर्वानुमान के आधार पर आपदा प्रबंधन की तैयारियां की जा सकें। इस अवसर पर एडीएम रोहित राठौर, डीएसपी बलदेव ठाकुर तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रभारी भानु सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
ज्वालामुखी निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी सिविल अस्पताल ज्वालामुखी के सफाई कर्मचारी के लिए लड़ रही है। बता दें कि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से भर्ती सिविल अस्पताल में 9 कर्मचारियों को वेतन भुगतान की समस्या का सामना करना पड़ रहा था और उन्हें सूचित किया जा रहा था कि अब ठेकेदार के माध्यम से नए कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। इसी के चलते आम आदमी पार्टी ने यह मुद्दा उठाया और कार्यकर्ताओं की मदद की। उन्होंने एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल भी आयोजित की। उन्होंने ज्वालामुखी अस्पताल क्षेत्र में एक हस्ताक्षर अभियान चलाया और लगभग 400 हस्ताक्षर प्राप्त किए। 5 नवंबर को जब सीएम ज्वालामुखी में थे, तब पार्टी सदस्यों ने सीएम जयराम को सिंगनेचर और संबंधित दस्तावेज सौंपे। आम आदमी पार्टी ने कहा था कि अगर सरकार ने इस मुद्दे को हल नहीं किया तो पार्टी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जाएगी। विकास धीमान, अमित कपूर, सीता राम भाटिया, अनिल चौधरी, संजीव चौधरी, मोनिंदर सिंह, प्रवीण कुमारी और प्रीक्षा सूद ने बताया कि हमने फोन कॉल के माध्यम से फिर से सीएम कार्यालय शिमला में इस मुद्दे पर चर्चा की। सीएम कार्यालय ने हमें इस मुद्दे के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और हमें कुछ समय देने के लिए कहा। इसलिए हम सभी पार्टी सदस्यों ने समय देने और सरकार के अगले आदेशों की प्रतीक्षा करने का निर्णय लिया है। पार्टी सदस्यों ने कहा कि अगर सरकार ने इस मुद्दे को हल नहीं किया तो पार्टी भूख हड़ताल के रास्ते पर जाएगी और इस बार अनिश्चित भूख हड़ताल होगी।
विश्व हिंदू परिषद फरीदाबाद के विभाग संगठन मंत्री साहिल वालिया ने मंगलवार को मां ज्वालामुखी जी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। साहिल वालिया ने कहा कि वह मां ज्वालामुखी जी के अनन्य भक्त हैं, उनकी मां जवालाजी के प्रति गहरी और अटूट आस्था है। बता दें कि साहिल वालिया पूर्णकालिक कार्यकर्ता के नाते विश्व हिंदू परिषद में कार्य कर रहे हैं। साथ ही वह पालमपुर, कांगड़ा ,देहरा, रामपुर बुशहर में बतौर संगठन मंत्री के नाते कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे हरियाणा के फरीदाबाद विभाग के विभाग संगठन मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। साहिल वालिया पालमपुर के द्रमन के रहने वाले हैं। वंही इस अवसर पर जिला कांगड़ा विभाग के सह संगठन मंत्री कुलदीप राणा, पुजारी बासु शर्मा आदि उपस्थित भी उपस्थित रहे।
श्री शिव जगन्नाथ मन्दिर हार बाग पुली में पिछले दो दिनों से चल रही श्रीमद भागवत कथा के तीसरे दिन कथा व्यास पंडित सुमित शास्त्री ने वर्णन करते हुए कहा भगवती सती जब अपने पिता दक्ष के घर यज्ञ में पहुंची तब वहां भगवान शिव के लिए कोई भी स्थान ना देखकर बड़ी दुखी हुई और योगाग्नि प्रकट कर उसमें भसम हो गई। भगवती माता के जहां भी अंग पतन हुए वहां एक शक्तिपीठ बना। शास्त्रों में वर्णन आता कि जो भी मनुष्य एक शक्तिपीठ का भी विधिवत पूजन कर ले तो उसका जीवन सफल हो जाता है। माता सती का अगला जन्म हिमालय की पत्नी मेनका के यहां पार्वती के रूप में हुआ। ऐसा वर्णन आता है कि पार्वती ने स्वस्थानी माता का दिव्य व्रत अनुष्ठान किया और पति रूप भगवान शिव को पाया। कथा में जगदीश शर्मा अंकित आचार्य, पंडित पीयूष, संजू शर्मा, रक्षित, रूपलाल, सन्नी, सानवी, मानवी व रीना ने भाग लिया। कल यहां भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जायेगा।
पैन इंडिया अवेयरनेस एवं आउटरीच अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से आईमा के आंबेडकर भवन में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इस शिविर की अध्यक्षता सदस्य सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकारण एवं सीनियर जज कांगड़ा विजय लक्ष्मी ने की। इस शिविर में लगभग 60 महिला पंचायत प्रधान और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। महिलाओं को संबोधित करते हुए सीनियर जज विजय लक्ष्मी ने आईपीसी 354 और 376 के सभी कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी शिविर के दौरान दी। उन्होंने कहा कि पैसे की कमी और जानकारी के अभाव में कोई न्याय से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निशुल्क कानूनी सलाह व सहायता का प्रावधान किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से सम्बंधित सभी कानूनों की भी विस्तृत जानकारी दी ।
उपमंडल इंदौरा के अंतर्गत पड़ते गाँव डैक्वा में करवाए जा रहे दो दिवसीय शहीद संजीव सिंह कीर्ति चक्र विजेता बॉलीवाल टूर्नामेंट का देर रात समापन हो गया । इस टूर्नामेंट में हिमाचल व पंजाब से तीन दर्जन से ऊपर नामी टीमों ने अपनी खेल के रंग दिखाए। प्रथम दिन टूर्नामेंट का शुभारंभ क्षेत्र में प्रमुख उद्योगपति एवं भाजपा महामंत्री रणवीर निक्का द्वारा टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया था। बीती रात टूर्नामेंट का समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दविंदर मनकोटिया ने शिरकत की। इस मौके पर उनके साथ घोड़न पंचायत के प्रधान रछपाल नीटू, छन्नी के प्रधान राय सिंह, सैनिक कल्याण बोर्ड पंजाब के चेयरमैन ठाकुर दर्शी, कांग्रेस कमेटी के सचिव कालू भूरिया, समाजसेवी राजीव वशिष्ठ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। टूर्नामेंट का फाइनल का मुकाबला पंजाव की टीमों अमरगढ़ व सरना पठानकोट के मध्य हुआ। जिसमें अमरगढ़ विजेता व सरना उपविजेता रहा। विजेता टीम को 21000 की नगद राशि व ट्राफी, उपविजेता को 11000 की नगद राशि व ट्राफी और तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 5100 सौ की नगद राशि देकर कमेटी की ओर से समानित किया गया। मुख्य अतिथि मनकोटिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप युवा हमारे देश का भविष्य हो, युवायों को नशे की लत को छोड़ खेलो की ओर अधिक ध्यान देना चाहिए। युवाओं द्वारा हर वर्ष यह टूर्नामेंट करवाया जाता है जोकि एक बहुत ही सराहनीय प्रयास है और शहीद के परिवार का सम्मान है।
राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में बेटी बचाओ, बेटी पढाओ अभियान पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें नृत्य, नारा लेखन, भाषण प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। प्रस्तुत कार्यक्रम महिला आयोग की अध्यक्षा प्रो रेखा पठानिया के द्वारा आयोजित करवाया गया। जिसमें उन्होने बताया वैदिक ग्रन्थों में मनु स्मृति में कहा गया है यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता: यह पंक्ति पुस्तकों में ही रह गई। बेटा-बेटी में भेदभाव किया जाता है। इस कुरति को खत्म करने के लिए हमें भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, बाल विवाह, तलाक जैसी घिनौनी प्रथा को रोकना चाहिए। तभी हम बेटी को बचा सकते है। कन्या नहीं बचाओगे तो अष्टमी कैसे मानोओगे। बेटी है अनमोल रत्न, कब इसे तोल सकता है धन। जिसकी अध्यक्षा प्राचार्य महोदय राजकुमार ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से रैली भी निकाली गई। गाना प्रतियोगिता में पल्लवी प्रथम रहीं। भाषण में अंजलि प्रथम, सपना द्वितीय तथा विशाखा तृतीय रही। इस अवसर पर प्रो विवेक, प्रो रजनी, प्रो दीप्ती उपस्थित रही।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ती जखोटा पंचायत में स्थानीय युवाओं द्वारा कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया। मिली जानकारी के अनुसार फाइनल मुकाबला भुपंल बनाम बोहल जागीर रहा जिसमें भुम्पल विजेता और बोहल जगीर टीम उप विजेता रही है। प्रतियोगिता में मुख्यतिथि के रूप में पहुंचे पंचायत प्रधान सुमित राणा ने तमाम युवाओं का जोश बढाया। वहीं उन्होंने कहा कि खेल हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा है। खेल बहुत ही अच्छी शारीरिक गतिविधि है जो तनाव और चिन्ता से मुक्ति प्रदान करता है। खेल हमारे जीवन का एक एहम हिस्सा है, यह हमारे शारीरिक एवम् मानसिक दोनो ही विकास का स्त्रोत है। यह हमारे शरीर के रक्त परिसंचरण मे सहायक है, वही दूसरी ओर हमारे दिमागी विकास मे लाभकारी है। इस दौरान पंचायत सदस्य जोगिंदर सिंह, सम्मू कुमार विशेष रूप से पहुंचे। वहीं कमेटी सदस्य जतिन, अंकु, मनीष, आदित्य, लड्डू, हिमांशु, अभय, अंशुल आदि उपस्थित रहे।
काव्य वर्षा की द पिल्लो ने बैंगलोर में नेशनल शार्ट फ़िल्म अवार्ड जीता है। काव्य वर्षा का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं है। काव्य लम्बे समय से लेखन कार्य में अपना नाम स्थापित कर चुकी हैं, चाहे कविता लेखन हो या कहानी लेखन, दोनों ही कार्य में अपनी छाप छोड़ जाती हैं। एक बार फिर उन्होंने एक और अवार्ड अपने नाम किया है। बैंगलोर में हुए नेशनल शार्ट फ़िल्म अवार्ड्स में उनकी लिखी शार्ट फ़िल्म द पिल्लो को बेस्ट फ़िल्म के अवार्ड से नवाजा गया जो कि हिमाचल प्रदेश के लिए बहुत ही गर्व की बात है। 2000 शार्ट फिल्मों में चयनित होकर द पिल्लो ने टॉप 200 में अपनी जगह बनाई और बेस्ट फ़िल्म का अवार्ड हासिल कर सबको हैरान कर दिया। इससे पहले द पिल्लो को 2 अवार्ड्स मिल चुके हैं और 7 नेशनल और इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल में यह फ़िल्म जल्द ही दिखाई जाएगी। इसके अलावा उनकी कुछ दिन पहले रिलीज़ हुई शार्ट फ़िल्म समाज ने भी खूब सुर्खियां बटोरी। समाज शार्ट फ़िल्म को भी 17 नेशनल और इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल में भेजा गया है। दोनों ही फिल्मों का निर्देशन एकलव्य सेन ने किया है। अपनी निर्देशन कला से जो कमाल उन्होंने कर दिखाया है वह काबिले तारीफ है। काव्य वर्षा और एकलव्य दोनों ही हिमाचल में शार्ट फ़िल्म निर्माण में एक नाम स्थापित कर चुके हैं। काव्य वर्षा ने बताया कि हिमाचल में अब शार्ट फ़िल्म निर्माण के एक नए युग की शुरुआत हो चुकी है बस अब उनको अपनी आने वाली 3 और शार्ट फिल्मों और गानों का इंतज़ार है।
जसवां-परागपुर के प्रसिद्ध समाजसेवी व कस्बा जागीर के उपप्रधान मुकेश ठाकुर ने अपने सामाजिक कार्यों से क्षेत्र वासियों को प्रभावित किया है।इसी कड़ी में रविवार को उन्होंने कूहना, कोलापुर, वणी, कड़ौआ, रोडी़-कोड़ी, तयामल, लंडियारा, रैल, नारी व वरनाली पंचायत में लड़कियों की शादी के लिए शगुन दिया। साथ ही समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने जसवां-परागपुर क्षेत्र की पंचायत कलोहा में बच्चो को पढ़ाई के लिए किताबें कॉपियाँ भी प्रदान की और बच्चों को खेलने के लिए खेलकूद का सामान भी दिया। समाजसेवी मुकेश ठाकुर जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ा नाम उभर कर सामने आया है। अपनी नेक कमाई की रकम से लोगो की सहायता करना मानो उनका ध्येय बन चुका है।
भले ही हिमाचल सरकार प्रदेश भर की प्रत्येक ग्राम पँचायत मे बेहतर स्वास्थय सेवाएं व बेहतरीन स्वास्थय भवन मुहैया करवाने के दावे कर रही है लेकिन ब्लॉक खंड परागपुर के अन्तर्गत ग्राम पँचायत चौली सरकारी दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। ग्राम पंचायत चौली मे सैकडो लोगो की स्वास्थय सुविधा हेतु बना सरकारी भवन मौजूदा समय मे इन दिनो खूद दम तोडता नज़र आ रहा है। पँचायत उप प्रधान दलीप सिंह वर्मा का आरोप है कि लैटलदार दो कमरो मे चल रहे उक्त इमारत मे इलाके भर के लोगो की सेहत की जाचं का ज़िम्मा सम्भालने वाले स्वास्थय कर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। उक्त पुराने सरकारी भवन की दीवारों पर बडी बडी दरारें साफ नजर आ रही है। यहां तक की उक्त भवन से छत का सरिया भी बाहर झाक रहा है। लिहाज़ा इस भवन के दरवाजे खिड़कियां भी धीरे-धीरे साथ छोडने लगे है। लेकिन इसके बाबजूद भी यहा तैनात सरकारी मुलाजिम इस बेहद खस्ताहाल भवन मे अपनी सेवाएं देकर स्थानीय ग्रामीणों की सेहत का उपचार कर रहे है जो कि किसी बडे खतरे से खाली नही है। उप प्रधान दलीप सिंह वर्मा का आरोप है कि अगर डयूटी टाइम के दौरान कही यह इमारत गिर गई तो भारी तबाही हो सकती है। शायद बाद मे विभागीय अधिकारियों के पास अपनी सफाई देने के लिए कोई जबाब नही होगा। पँचायत उप-प्रधान दलीप सिह वर्मा व अन्य ग्रामीणो का अरोप है कि इस बारे कई बार विभागीय अधिकारीयों से मौखिक व लिखित रुप से भी शिकायत की गई लेकिन कोई असर नही हुआ। यहां तक की दो बार इस बाबत सीएम हैल्पलाईन पर भी शिकायत की गई है परन्तु अभी तक नतीज़ा शुन्य रहा है। वहीं स्थानिय ग्रामीणों ने जिलाधीश कांगडा व प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम से मांग की है कि जल्द उक्त भवन से निजात दिलवाई जाए। उधर इस सम्बन्ध में बीएमओ डाडासीबा डॉक्टर सुभाष ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इसकी रिपोर्ट उच्च अधकारियों को भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही इसकी मरम्मत का कार्य करवाया जाएगा।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आज प्रख्यात फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपने पति राज कुंद्रा के साथ मां ज्वालामुखी के दरबार में हाजिरी लगाई और विधिपूर्वक मां के दर्शन किए। उन्हें मंदिर न्यास ज्वालामुखी की तरफ से तहसीलदार ज्वालामुखी दीनानाथ यादव ने मां की तस्वीर चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उनके कई समर्थकों और प्रशंसकों ने उनके साथ सेल्फी ली और फोटो खिंचवाई। मां के दरबार में आकर शिल्पा शेट्टी और उनके पति ने सिर्फ इतना बोला कि उन्हें काफी शांति और सुकून यहां पर आकर मिला है और हिमाचल प्रदेश में वे जब भी आते हैं उन्हें अपने आप में अध्यात्मिक बल मिलता है।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते बनखंडी स्थित माता बगलामुखी मंदिर में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने परिवार सहित विधिवत पूजा अर्चना की और मां बगलामुखी का शुभ आशीर्वाद लिया। मन्दिर के मुख्य प्रबंधक महंत रजत गिरी द्वारा उनकी विधिवत पूजा अर्चना करवाई गयी साथ ही उन्हें माता बगलामुखी मां का स्मृति चिन्ह और माता की चुनरीचुनरी भेंट दी। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ उन्होंने सेल्फियां और फोटोज ली। इस दौरान अभनेत्री शिल्पा शेटी मन्दिर में आकर काफी खुश दिखी।
राजकीय महाविद्यालय मटौर में सोमवार को ब्रजेश्वरी पत्रिका का लोकार्पण किया गया। मुख्य सम्पादक डॉ अतुल आचार्य द्वारा प्राचार्या शुभ्रा गुप्ता को ब्रजेश्वरी का तीसरा अंक सौंपा गया। प्राचार्या शुभ्रा गुप्ता ने अपने सम्बोधन में कहा कि पत्रिका विद्यार्थियों की सृजन शक्ति बढ़ाने का मंच प्रदान करती है। पत्रिका में विद्यार्थियों ने अपने मौलिक विचारों को लिख कर समाज का आईना प्रस्तुत किया है। विद्यार्थी जो कुछ समाज में देखता है अनुभव करता है वह सब उसकी रचना में झलकता है। इस मौके पर प्रो रजनी शर्मा, प्रो दिनेश जम्वाल, प्रो प्रवेश गिल, प्रो आशा शर्मा, प्रो मोहिंद्र कुमार उपस्थित रहे। प्राचार्या शुभ्रा गुप्ता ने पत्रिका के सभी विभागों के सम्पादकों को बधाई दी और कहा कि यह सब उनके कठिन परिश्रम का परिणाम है कि कोरोना काल में भी विद्यार्थियों से सम्पर्क साध कर रचनाओं को एकत्रित एवं संशोधित कर इनका मुद्रण करवाया।
थाना इन्दौरा के अन्तर्गत आने वाले गाँव मिलवां में स्टेट नारकोटिक्स सैल की टीम ने एक घर में दवदिश देकर एक महिला से भारी मात्रा में नशे की खेप हासिल की है। इस बारे में जानकारी देते हुए नारकोटिक्स सैल की टीम के मुख्य आरक्षी एवं जांच अधिकारी विपन शर्मा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली के मिलवां में एक महिला अपने घर मे नशे का कारोबार करती है। जिस पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरक्षी अर्जुन सिंह, आरक्षी संदीप व महिला आरक्षी लता देवी को साथ महिला के घर में दवदिश दी और सर्च अभियान चलाया। इस दौरान महिला के घर से 6.47 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। चिट्टे सहित पकड़ी गई महिला की पहचान शिमला देवी, पत्नी जनक राज निवासी मिलवां थाना इंदौरा के रूप में हुई है।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते चुधरेड गाँव में पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति की गाड़ी HP 36E 5999 में से 12 बोतल देसी शराब बरामद की है। वहीं पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरु कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस थाना देहरा में उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ़्तीष कर रही है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी फेस्टिवल को सेलिब्रेट करने के बाद अपने बच्चों के साथ मुंबई से हिमाचल प्रदेश की वादियों में पहुंच गई हैं। शिल्पा धर्मशाला में वेकेशनका आनंद ले रही हैं। उन्होंने वेकेशन की कुछ वीडियो अपने इंस्टा स्टोरी पर डाली है। वहीं एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर डालकर वेकेशन के बारे में बताया है।'धड़कन गर्ल' शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वो डांस करती नजर आ रही हैं। छुट्टी की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही है। इसके साथ ही उन्होंने इंस्टा स्टोरी में वेकेशन की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। एक तस्वीर में वो ब्लैक कलर की जैकेट और बूट पहने नजर आ रही हैं। जिसमें वो सर्दी को भगाने के लिए आग का सहारा लेते दिख रही हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में आइसक्रीम खाते हुए नजर आ रही हैं। इंस्टा स्टोरी में उनके बेटे वियान और बेटी समीशा की भाई दूज की मस्ती को किया साझा। बालीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी धौलाधार की वादियों की तलहटी में स्थित अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज यानी मिनी ल्हासा पहुंच गई हैं। उन्होंने होटल तिब्बत किचन में पति राज कुंद्रा के साथ दोपहर का भोजन किया। होटल तिब्बत किचन में वह करीब ढाई घंटे तक ठहरी। दोपहर के भोजन के दौरान उन्हें एक होटल के बाहर देखते ही उनके प्रशंसकों का जमावड़ा लग गया। उनकी एक झलक पाने को होटल के बाहर उनके प्रशंसकों की खासी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है बालीवुड अभिनेत्री स्वजन के साथ मैक्लोडगंज घूमने आई हैं और करीब दो से तीन दिन तक यहीं रहेंगी।
हिमाचल प्रदेश में हुए उपचुनावों में जीत दर्ज करने वाले कांग्रेस के तीन नवनिर्वाचित विधायकों को सोमवार 8 नवम्बर को विधानसभा में शपथ दिलाई जाएगी। राज्य विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार अर्की से विजयी संजय अवस्थी जुब्बल-कोटखाई से विजयी रोहित ठाकुर और फतेहपुर से विजयी भवानी सिंह पठानिया को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण करने के बाद यह तीनों प्रदेश विधानसभा के विधिवत तौर पर विधायक बन जाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या 19 से बढ़कर 21 हो जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया और पूर्व मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा के निधन के चलते प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों में 30 अक्तूबर को मतदान हुआ था और 2 नवम्बर को परिणाम निकला था।
धरोहर गांव प्रागपुर के नजदीक हार बाग पुली के शिव जगन्नाथ मन्दिर में कलश यात्रा के साथ श्री मद भागवत कथा का शुभारंभ हुआ है। स्थानीय कथावाचक पंडित सुमित शास्त्री ने भागवत कथा महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि कई जन्मों के पुण्य कर्मों के फलस्वरूप ही सत्संग की प्राप्ति होती है। भागवत कथा के समान मृत्युलोक में पापपुंज का नाश करने वाला कोई दूसरा पवित्र साधन नहीं है, इसका श्रवण मन को शांति व जीवन में क्रांति पैदा करता है। मृत्यु को मंगलमय बनाने के लिए हमें भागवत की शरण लेनी चाहिए। शास्त्री ने आगे वर्णन करते हुए बताया कि पांच प्रकार के महापापी मदिरापान, ब्रह्महत्या, सुवर्ण की चोरी गुरु स्त्री गमन व विश्वासघात करने वाले भागवत कथा के श्रवण से पवित्र हों जाते हैं। कलश यात्रा के अवसर पर मन्दिर प्रबंधक दिनेश कौल, जयसी राम, विष्णदास, कृष्ण गोपाल, राजेंद्र दास, स्मग्ना देवी व ऊषा देवी ने भाग लिया।
राजधानी शिमला सहित धर्मशाला और मनाली की हवा दिवाली पर कम दूषित हुई है। बीते वर्ष के मुकाबले प्रदेश के कई शहरों में इस बार प्रदूषण का स्तर कम रहा है। हालंकि बद्दी, नालागढ़ और ऊना में इस बार भी कोई सुधार नहीं हुआ है। इन तीनों शहरों में प्रदूषण की मात्रा बीते वर्ष की अपेक्षा और अधिक बढ़ी है। शनिवार को राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों में यह खुलासा हुआ है। एयर क्वालिटी इंडेक्स को शून्य से 50 तक अच्छा माना जाता है। 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक सीमित, 201 से 300 तक घटिया, 301 से 400 तक बहुत घटिया और 401 से अधिक मात्रा को खतरनाक माना जाता है। इस वर्ष दिवाली के अवसर पर राजधानी शिमला सहित परवाणू, धर्मशाला, डमटाल, सुंदरनगर, पांवटा साहिब, कालाअंब और मनाली का एयर क्वालिटी इंडेक्स बीते वर्ष की दिवाली के मुकाबले बेहतर रहा है।
आम आदमी पार्टी 1 नवंबर को सिविल अस्पताल ज्वालामुखी के सफाई कर्मचारी के पक्ष में भूख हड़ताल पर थी। आपकी जानकारी के लिए बता दे कि सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में 9 सफाई कर्मचारी हैं और उन्हें कुछ महीनों से वेतन नहीं मिल रहा है, उनके पास नौकरी की कोई सुरक्षा नहीं है। आम आदमी पार्टी एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल पर थी। इस दौरान उनके द्वारा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया और जनता के द्वारा उन्हें लगभग 400 हस्ताक्षर सफाई कर्मचारी के पक्ष में मिले थे। उन्होंने शनिवार को ज्वालामुखी में सीएम को नोटिस और सिग्नेचर पोस्टर दिया। युवा विंग अध्यक्ष ज्वालामुखी विकास धीमान ने बताया कि सीएम जयराम ठाकुर ने हमें आश्वासन दिया है कि वह इस मामले को देखेंगे और इस मुद्दे को फिर से शुरू करेंगे और भूख हड़ताल की कोई बात नहीं है। पूर्व प्रधान सियोरपाई और संगठन मंत्री महिला विंग सोमा देवी ने कहा कि हमें अपने सीएम पर भरोसा है और वह जल्द ही इस मुद्दे को सुलझा लेंगे। कपूर कार्यकारी अध्यक्ष, सीता राम एससी विंग अध्यक्ष, अनिल चौधरी संगठन मंत्री ओबीसी विंग, संजीव चौधरी उपाध्यक्ष युवा विंग, प्रवीण कुमारी सचिव और परीक्षा सूद उपाध्यक्ष महिला विंग सहित सफाई कर्मचारी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इस मुद्दे का समाधान नहीं किया तो पार्टी भूख हड़ताल पर जाएगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को जिला कांगड़ा के टण्डन क्लब में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित टीकाकरण केन्द्र का दौरा कर कोरोना योद्धाओं का हौसला बढ़ाया। यह टीकाकरण केन्द्र जिला में टीकाकरण अभियान आरम्भ होने के समय से ही कार्य कर रहा हैै। इस केन्द्र ने 37 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण कर जिला कांगड़ा में वैक्सीन की अधिकतम खुराक देने की उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कांगड़ा में अब तक 19.39 लाख खुराकें लगाई गई हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे कोरोना के विरूद्ध लड़ाई में ढील न बरतें और इस घातक संक्रमण के विरूद्ध एकजुट होकर सभी निर्धारित मापदण्डों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को सामाजिक दूरी अपनाने और सार्वजनिक स्थलों में भीड़ भाड़ से बचने जैसे साधारण नियमों का पालन करना चाहिए तथा बाहर जाते समय मास्क का प्रयोग करना और स्वच्छता को विशेष प्राथमिकता देनी चाहिए। जयराम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि नवम्बर माह के अन्त तक प्रदेश में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य ने कोरोना टीकाकरण की पहली डोज में देश में प्रथम स्थान हासिल किया है और प्रदेश दूसरी डोज में भी इस स्थान को कायम रखेगा। उन्होंने कहा कि बड़ा भंगाल और मलाणा जैसे कठिन भौगोलिक क्षेत्रों के निवासियों को हवाई मार्ग द्वारा पहुॅचाई गई खुराक और अपनी देवी-दवताओं की अनुमति से वैक्सीनेशन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के इस कठिन दौर में भी राज्य के विकास और कल्याण के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई है। इसके पश्चात मुख्यमंत्री कांगड़ा स्थित पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी.एस.बाली, जिनका हाल ही में निधन हुआ है, के आवास पर गए और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रदेश के लिए जीएस बाली की सेवाओं को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनका एक गतिशील व्यक्त्वि था और वे प्रमुख समाज सेवी थे, जिन्होंने न केवल अपने विधानसभा क्षेत्र बल्कि प्रदेश के लोगों के कल्याण के लिए कार्य किया। मुख्यमंत्री ने जिला कांगड़ा के निकट सोहारा स्थित विधायक पवन काजल के घर जाकर उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त किया तथा दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना भी की। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, विधायक अरूण मेहरा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, स्थानीय नेता, कांगड़ा के उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिला के तीन शक्तिपीठों श्री ज्वालाजी, श्री ब्रजेश्वरी और श्री चामुण्डा जी से आरती के सीधा प्रसारण का शुभारम्भ किया। इससे पूर्व उन्होंने मन्दिर में शीश नवाया और पूजा अर्चना की। उन्होंने ज्वालाजी न्यास परिसर में स्थापित संत आदिगुरू शंकराचार्य की प्रतिमा के दर्शन भी किए। जय राम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि जिला कांगड़ा के तीन शक्तिपीठों से आरतियों के प्रतिदिन सीधे प्रसारण से श्रद्धालुओं और भक्तों को घर बैठे पूजा और आरती के माध्यम से माता के दर्शन करने और शीश नवाने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पूर्व उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के श्री केदारनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन भाग लिया। कांगड़ा के उपायुक्त डा. निपुण जिन्दल ने इन शक्तिपीठों से आरती दर्शन के सीधे प्रसारण के बारे जानकारी देते हुए कहा कि श्री ज्वालामुखी मन्दिर की आरती प्रतिदिन शीतकाल में सांय 8.30 से 9 बजे जबकि ग्रीष्मकाल में 9.30 बजे से 10 बजे ब्रजेश्वरी मन्दिर की आरती शीतकाल में प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक, ग्रीष्मकाल में प्रातः 5 बजे से 6 बजे तथा शीतकाल और ग्रीष्मकाल में रात्रि 7 से 8 बजे प्रसारित की जाएगी। इसी प्रकार श्री चामुण्डा मन्दिर से आरती दर्शन का सीधा प्रसारण शीतकाल और ग्रीष्मकाल में प्रतिदिन प्रातः 8 से 8.30 बजे और शीतकाल में सांय 6.30 बजे से 7 बजे और ग्रीष्मकाल में सांय 8 बजे से 8.30 बजे तक होगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कांगड़ा प्रवास के दौरान टंडन क्लब कांगड़ा स्थित वैक्सीनेशन सेंटर का दौरा किया।इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा जिला कांगड़ा में कोविड-19 वैक्सीनेशन की वर्तमान स्थिति का आकलन किया। अभी तक जिला कांगड़ा में लगभग शतप्रतिशत लाभार्थियों को कोविड वैक्सीन की प्रथम खुराक लगाई जा चुकी है तथा 65% लाभार्थियों को दूसरी खुराक भी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री द्वारा वैक्सीनेशन स्थल पर किए गए इंतजाम पर संतुष्टि व्यक्त की गई तथा मुख्यमंत्री द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों की सराहना की गई। उन्होंने बताया कि सरकार ने 30 नवंबर तक सभी लाभार्थियों को दोनों टीकाकरण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और हिमाचल प्रदेश देश में पहला राज्य होगा जो शत प्रतिशत टीकाकरण संपूर्ण करेगा। इस दौरान मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर, जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा खुशहाल शर्मा व मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ गुरदर्शन गुप्ता उपस्थित रहे।
इन दिनों विकास कार्य मात्र सोशल मीडिया पर ही हो रहा है। सोशल मीडिया पर फोटो डालकर काफी वाहवाही हो रही है लेकिन जमीनी स्तर पर हकीकत कुछ और ही देखने को मिल रही है। मंड क्षेत्र में कई सड़के वर्षो से खस्ताहाल है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी इंदौरा के उपाध्यक्ष एवं ठाकुरद्वारा पँचायत के उपप्रधान राणा प्रताप ने ठाकुरद्वारा में एक प्रेसवार्ता में कहा कि मौजूदा सरकार द्वारा मंड क्षेत्र खासकर ठाकुरद्वारा गाँव के लोगों के साथ पक्षपात रखकर विकास कार्यो को करवाया जा रहा है। उन्होंने दुःख जताते हुए कहा कि ठाकुरद्वारा बस अड्डे से लेकर मलकाना तक मौजूदा सरकार द्वारा सड़क रिपेयर करने के लिए इस चार वर्षों में एक पत्थर तक नही डाला गया है। करीब पंद्रह वर्ष पहले हुए सड़क निर्माण से लेकर आज तक इस सड़क की ओर सरकार ने कोई भी ध्यान नही दिया और यह सड़क ठाकुरद्वारा गाँव से होकर गुजरती है और सड़क वर्षो से एक खड्ड के रूप में दिखती है। अगर ठाकुरद्वारा से मलकाना को जाना हो तो राहगीर को ऐसे लगता है जैसे वो सड़क नही बल्कि किसी खड्ड से होकर ठाकुरद्वारा आ रहे है । वही सड़क में गड्डे होने के कारण गंदा पानी घरों के आगे खड़ा रहता है जिससे बीमारियां फैलने का भी खतरा बना रहता है।उन्होंने मौजूदा विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुछ महीने पहले मिलवां टू बरोटा रोड पर भी तारकोल डाली गई और विधायक ने काफी वाहवाही लूटी पर इस सड़क निर्माण में भी ठाकुरद्वारा के साथ पक्षपात किया और टांडा मोड़ से लेकर ठाकुरद्वारा तक विभाग ने एक किलोमीटर तक सड़क पर तारकोल ही नही डाली ओर ठाकुरद्वारा- मलकाना रोड़ के साथ टांडा मोड़ टू ठाकुरद्वारा तक सड़क को खस्ताहाल ही रहने दिया गया है। इस बात से सरेआम साबित होता है कि मौजूदा विधायक द्वारा विकास को लेकर ठाकुरद्वारा पँचायत से पक्षपात किया जा रहा है। उन्होंने विधायक पर रोष जाहिर करते हुए कहा कि जिस जनता ने अपना कीमती वोट देकर आपको विधायक और पेंशन धारक बनाया है उनसे पक्षपात न करते हुए हर क्षेत्र को विकास के मामले में एक नजर से देखें।
धर्मशाला जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा स्वर्णित जयंती के उपलक्ष्य पर जिला स्तरीय मांउटेन बाइकिंग प्रतियोगिता व साइकिल रैली का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को अतिरिक्त उपायुक्त, राहुल कुमार ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह प्रतियोगिता 42 किलोमीटर से 50 किलोमीटर की दूरी तय करके जोकि खेल परिसर से स्लेट गोदाम-शालिंग गांव-झियोल-जिया से होते खेल परिसर धर्मशाला में सम्पन्न हुई। इस प्रतियोगिता में लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का समापन समारोह इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया, जिसमें अतिरिक्त उपायुक्त राहुल कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
नैहरनपुखर के निकटवर्ती गाँव चलाली स्थित नेशनल हाईवे पर सड़क के किनारे चल रहे एमएस ट्रैडिग कम्पनी नामक बिजली के शोरूम में आग लगने से करीब 40 लाख रुपये का सामान जलकर रख हो गया। इस बात की जानकारी सोमवार सुबह करीब पांच बजे मिली। दरअसल रास्ते से जा रहे राहगीर ने शोरूम से धुआं उठता देखा तो इस हादसे की जानकारी तुरन्त शोरूम के मालिक उर्मिल कुमार सुपुत्र राजेंद्र कुमार को दी। मौके पर पहुंचे शौरुम मालिक अर्मिल कुमार ने देहरा पुलिस व अग्निशमन केन्द्र देहरा को सूचित किया। करीब चार घन्टे की कड़ी मशककत के बाद आग पर काबू पाया गया। उर्मिल कुमार ने बताया कि दीपावली त्योहार को लेकर शोरूम में कई तरह का इलैक्ट्रीशन का सामान मौजूद था। अर्मिल कुमार ने बताया कि इस हादसे मे न केवल शोरूम के भीतर रखा समान खराब हुआ है बल्कि शोरूम की इमारत को भी इस दौरान काफी क्षति पहुची है।
राजकीय महाविद्यालय ज्वालाजी में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने 1 अक्तूबर से चल रहे स्वच्छ भारत कार्यक्रम के अंतिम दिन प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र तथा स्वच्छता अभियान चलाया। जिसमें 60 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम अधिकारी प्रो.यश पाल ने बताया की इस कार्यक्रम के अंतर्गत नो सिंगल यूज़ प्लास्टिक तथा स्वच्छता के लिये रैली, स्लोगन राइटिंग, पोस्टर मेकिंग, सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से लोगों को जागरुक किया गया। पूरे अभियान में स्वयंसेवियों ने लगभग 80 किलो सिंगल यूज़ प्लास्टिक को एकत्रित किया। इसके साथ एनएसएस इकाई ने सुरक्षित व प्रदूषण मुक्त दिवाली के लिये लोगों से आवाहन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्या डा.सीमा शर्मा ने स्वयंसेवियों की सेवा एवं स्वच्छता भावना की प्रशंसा की तथा समाज के प्रति उनके प्रेरणादायी प्रयास को सराहा। एनएसएस प्रेज़िडेंट निखिल तथा मोनिका सहित सभी स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
सोमवार को एनएसयूआई हरिपुर की नवगठित कार्यकारिणी की बैठक एनएसयूआई अध्यक्ष मोहित भटी की अध्यक्षता में हरिपुर में संपन्न हुई। इस बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिओम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सर्वप्रथम पूर्व मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए व दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में नवगठित एनएसयूआई कार्यकारिणी की सूची एनएसयूआई सचिव नंदिता कुमारी ने पढ़कर सुनाई। नवगठित कार्यकारिणी को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने बधाई दी तथा अपनी-अपनी जिम्मेवारी को अच्छे व शांतिपूर्वक तरीके से निभाने के लिए शुभकामनाएं दी। एनएसयूआई अध्यक्ष मोहित भटी ने कॉलेज प्रशासन का धन्यवाद किया। बैठक में जिला एनएसयूआई सचिव रूहानी इस बैठक में बतौर औबजरवर उपस्थित रहीं। हरिओम शर्मा ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी पढ़ाई का पूरा ध्यान रखें तथा अध्यापकों की कमी से पढ़ाई में आ रही बाधा को सैलफस्टडी द्वारा पूरी करे। बैठक में चाहत, पूनम, अनुराधा, शैलू, अमनप्रीत, अभिषेक, कशिश, श्रेया चौधरी, विकास, अतुल, अंकित, निखिल, माही, आर्यन, साहिल, दीपक, करण, लखविंदर, रोहित, सौरभ, अमन इत्यादि उपस्थित रहे।


















































