वन परिक्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत खैर तस्करों के विरुद्ध शिकंजा कसा गया है। ताजा कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नाकाबंदी कर एक ऑल्टो कार, जिसमें खैर के एक दर्जन से अधिक मोच्छे ले जाए जा रहे थे, को पकड़ा गया है। यह कार्रवाई वन विभाग की घोड़न बीट में की गई, जहाँ तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए खैर तस्करी की फिराक में थे कि विभागीय सतर्कता से आरोपियों को दबोच लिया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद ने बताया कि वे वन रक्षक आंचल कुमार ( अतिरिक्त प्रभार घोड़न बीट ), वन रक्षक मोहन सिंह व वन मित्र साहिल कुमार की टीम के साथ स्वयं रात्रि गश्त पर थे कि एक ऑल्टो कार ( एच.पी. 38 ई 1669 ) जिसमें खैर तस्करी को अंजाम दिया जा रहा था, को नाकाबंदी कर रोका गया व तलाशी लेने पर उसमें खैर के मोच्छे, जिनकी संख्या 13 पाई गई, बरामद किए गए। आरोपी खैर की लकड़ी ले जाने बारे कोई भी परमिट अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज पेश न कर पाए। जिस पर उनके विरुद्ध वन अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया गया। वहीं कार में सवार व्यक्तियों की पहचान मोहित कुमार ( 27 ) पुत्र बुआ दित्ता, निवासी गाँव व डाकघर घोड़न, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा व राजकुमार ( 23 ) पुत्र बहादुर सिंह, निवासी गाँव घोड़न, डाकघर भोजपुर, तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। विभाग ने पकड़ी गई लकड़ी व कार को जब्त कर आगामी कार्रवाई हेतु मामला पुलिस विभाग को सौंप दिया है। वहीं उनके विरुद्ध पुलिस थाना डमटाल में मुकदमा दर्ज किया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आर.ओ. अब्दुल हमीद ने कड़ा संदेश दिया है कि वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम किया जाएगा और अवैध वन कटान करने वाले अथवा अवैध खनन कर वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ (इंदौरा) द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रथम नवरात्रि से मंदिर परिसर में श्री राम चरित मानस पाठ का शुभारंभ सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच व अन्य पदाधिकारियों द्वारा विधिवत् पूजा अर्चना के साथ किया गया। सभा के प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने कहा कि 26 मार्च दुर्गाष्टमी के दिन इसका हवन एवं भोग डाला जाएगा तथा कंजक पूजन के साथ साथ श्री राम नवमी का पर्व भी मनाया जाएगा। साथ ही प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ के तत्वाधान से मंदिर परिसर में डॉ. ओम प्रकाश आई इंस्टीट्यूट पठानकोट के सौजन्य से 22 मार्च को आंखों की जांच का निशुल्क कैम्प भी लगाया जाएगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगाया जाएगा जिसमें रोगियों की आधुनिक मशीनरी से जांच की जाएगी। इस दौरान रिटायर सी. एम. ओ. पठानकोट क्रिस्चन मेडिकल कॉलेज जालंधर एवं चंबा मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर डॉ. परवेज तनेजा व उनकी टीम निपुणता से जांच करेगी व दवाईयां भी दी जायेगी। प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ के प्रधान ओम प्रकाश कटोच व प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने जानकारी देते हुए इलाका वासियों से अपील की है कि समय पर पहुंच कर इस कैंप का लाभ अवश्य उठाएं, सभा द्वारा डाक्टरों की टीम व रोगियों के लिए लंगर व अन्य आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
भाजपा विधायक हंसराज को POCSO मामले में मिली जमानत को चुनौती देने वाली याचिका पर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है। हाईकोर्ट ने इस मामले में प्रतिवादी स्टेट के कड़े आग्रह पर मामले की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के लिए 10 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। अदालत ने स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के लिए जिला चंबा पुलिस अधीक्षक को भी तलब किया है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करते हुए एसपी चंबा अगली सुनवाई पर अदालत में उपस्थित हों। जस्टिस संदीप शर्मा की बेंच अब इस मामले पर सुनवाई कर रही है। मामले में अगली सुनवाई 2 अप्रैल को होनी है। हाईकोर्ट में इस मामले पर सुनवाई करते हुए जस्टिस संदीप शर्मा की बेंच ने अपने आदेश में कहा कि कई बार अवसर दिए जाने के बावजूद अब तक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल नहीं की गई है। फिर भी प्रतिवादी स्टेट की ओर से डिप्टी एडवोकेट जनरल के कड़े आग्रह पर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के लिए प्रतिवादी राज्य को 10 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अगली तारीख पर एसपी चंबा को रिपोर्ट के साथ अदालत में उपस्थित होना होगा। चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हंसराज पर POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज है। विधायक को इस मामले में सेशन कोर्ट चंबा ने बीते साल 27 नवंबर 2025 को जमानत दी थी। इसके खिलाफ पीड़िता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर जमानत रद्द करने की मांग की है। इस मामले में स्टेट और आरोपी विधायक हंसराज के साथ-साथ SP जिला चंबा, SHO महिला पुलिस स्टेशन चंबा को प्रतिवादी बनाया गया है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। जो अब लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। प्रदेश के कुल्लू जिले में लगातार हो रही बारिश से इनर अखाड़ा बाजार में गुरुवार को अचानक भूस्खलन होने से इलाके में हड़कंप मच गया। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई घर खाली करवा दिए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। घटना दोपहर बाद उस समय हुई जब पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने लगा. भूस्खलन को देखते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधा दर्जन से अधिक घरों को एहतियातन खाली करवाया गया। वहीं पुलिस ने पूरे इलाके में लाउडस्पीकर के जरिए अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क किया। सड़क किनारे खड़े वाहनों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में रेस्क्यू टीम को आने-जाने में परेशानी न हो। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। गौरतलब है कि पिछले साल भी इनर अखाड़ा बाजार में भूस्खलन की घटना सामने आई थी, जिसमें कई घरों को नुकसान हुआ था और करीब 10 लोगों की जान चली गई थी। इसी वजह से इस बार प्रशासन पहले से ज्यादा सतर्क नजर आ रहा है और किसी भी तरह की लापरवाही से बचा जा रहा है। वहीं डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
क्षेत्र में रसोई गैस उपभोक्ताओं की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब गैस सिलेंडर लेने के लिए 45 दिन के अंतराल की अनिवार्यता ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इस नए नियम के चलते उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है और वे इसे अव्यवहारिक बता रहे हैं। कई परिवारों का कहना है कि उनकी घरेलू जरूरत के अनुसार 15 से 20 दिन में ही सिलेंडर खत्म हो जाता है, लेकिन अब 45 दिन का इंतजार करना मजबूरी बन गया है। ऐसे में रसोई का काम प्रभावित हो रहा है और लोगों को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं। गैस एजेंसियों के बाहर इन दिनों लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। उपभोक्ता सुबह से ही सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन 45 दिन की शर्त पूरी न होने पर उन्हें वापस लौटा दिया जा रहा है। इससे लोगों को बार-बार एजेंसियों और गोदामों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के यह नियम लागू कर दिया गया, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। उनका कहना है कि अचानक लागू किए गए इस फैसले ने आम लोगों को परेशानी में डाल दिया है। कई परिवार ऐसे हैं, जहां महीने में दो से तीन सिलेंडर की खपत होती है। ऐसे में 45 दिन का अंतराल उनके लिए व्यावहारिक नहीं है। कुनिहार विकास सभा के अध्यक्ष धनीराम तनवर ने कहा कि एक ओर सरकार धुआं रहित रसोई की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसी नीतियां लागू की जा रही हैं, जो आम लोगों की परेशानियां बढ़ा रही हैं। उन्होंने मांग की कि 45 दिन की अवधि को घटाकर 25 दिन किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। वहीं, हिन्दुस्तान जन सेवा समिति के अध्यक्ष आर.पी. जोशी ने नगर पंचायत क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाना अनिवार्य है, लेकिन कुनिहार में इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और 25 दिन के भीतर सिलेंडर उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी करने की मांग की। उधर, हिमालयन खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी सोलन श्रवण कुमार ने बताया कि 45 दिन का अंतराल पूरे देश में लागू किया गया है। इस संबंध में कंपनियां सरकार से बातचीत कर रही हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे घबराएं नहीं, घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल सुचारू रूप से जारी है। वहीं उपभोक्ताओं की प्रमुख मांगें- 45 दिन की शर्त को घटाकर 25 दिन किया जाए, गैस सिलेंडरों की नियमित और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित हो, गैस सिलेंडरों की नियमित और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित हो। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत तहसील कल्याण अधिकारी, देहरा के सौजन्य से आज खंड विकास अधिकारी, प्रागपुर के सभागार में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिमेंशिया एवं अल्जाइमर रोग के प्रति एक दिवसीय जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य समाज में डिमेंशिया एवं अल्जाइमर जैसे गंभीर मानसिक रोगों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को समय रहते उचित चिकित्सा परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना था, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बीडीओ प्रागपुर अशोक कुमार ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान न्यू एरा फाउंडेशन, खुंडियां की ओर से डॉ. दीक्षा ने उपस्थित लोगों को डिमेंशिया के प्रमुख कारणों, प्रारंभिक एवं उन्नत लक्षणों, संभावित जोखिम कारकों, रोकथाम के उपायों तथा उपलब्ध उपचार पद्धतियों के बारे में सरल एवं विस्तृत प्रस्तुति (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि समय पर पहचान एवं उचित देखभाल से रोग की प्रगति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है तथा इसके सामाजिक एवं पारिवारिक प्रभावों को भी कम किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त मनोचिकित्सक डॉ. नेहा ने डिमेंशिया के निदान, प्रबंधन एवं उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने का आग्रह किया। शिविर के दौरान उन्होंने मरीजों की स्क्रीनिंग भी की, जिससे कई लोगों को प्रारंभिक स्तर पर ही परामर्श प्राप्त हुआ। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ नागरिकों को पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। तहसील कल्याण अधिकारी विपुल शर्मा ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय व्यक्ति तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
शूलिनी विश्वविद्यालय का 9वां दीक्षांत समारोह 21 मार्च, 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 1,087 स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों के साथ-साथ 85 पीएचडी शोधार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी, जो शैक्षणिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। राष्ट्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी फोरम (NETF) के अध्यक्ष और NAAC के कार्यकारी समिति के अध्यक्ष डॉ. अनिल सहस्रबुद्धे मुख्य अतिथि होंगे। दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे, जिनमें शोभित डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति और ASSOCHAM-NCE के अध्यक्ष कुंवर शेखर विजेंद्र, एटलस स्किलटेक यूनिवर्सिटी, मुंबई के कुलपति डॉ. राजन वेलुकर IISER मोहाली के निदेशक प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी, और JAN AI, बेंगलुरु के संस्थापक डॉ. मदन पदाकी शामिल हैं। शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, प्रो-कुलाधिपति, कुलपति और शासी निकाय, प्रबंधन बोर्ड और अकादमिक परिषद के सदस्य समारोह की अध्यक्षता करेंगे और स्नातक छात्रों को उपाधियाँ प्रदान करेंगे। कुल स्नातक छात्रों में से 518 छात्रों को स्नातकोत्तर उपाधियाँ प्राप्त होंगी, जबकि 569 छात्रों को विभिन्न विषयों में स्नातक उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, 85 शोधार्थियों को उनके उन्नत अनुसंधान योगदान के सम्मान में डॉक्टरेट उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। शैक्षणिक उत्कृष्टता को मान्यता देते हुए, विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह के दौरान 30 विश्वविद्यालय पदक विजेताओं और 23 योग्यता प्रमाण पत्र धारकों को भी सम्मानित करेगा, जो उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन को पुरस्कृत करने पर विश्वविद्यालय के विशेष जोर को दर्शाता है।
मंडी जिले के उपमंडल गोहर में पीलिया का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। ताजा मामले में नेहरा पंचायत के रौडी गांव की 19 वर्षीय नवविवाहिता शानिया (पत्नी सौरव) की PGI चंडीगढ़ में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। इस घटना के बाद पीलिया से मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है, जबकि संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 210 के पार पहुंच चुका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा ने बताया कि युवती की मौत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं और लोगों को उबला व स्वच्छ पानी पीने के निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शानिया बासा महाविद्यालय में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और हाल ही में उसका विवाह हुआ था। करीब एक सप्ताह पहले उसमें पीलिया के लक्षण दिखाई दिए, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल गोहर में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया। नेरचौक में भी स्थिति गंभीर बनी रहने पर डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ स्थित पीजीआई भेजा, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार जारी रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। जैसे ही युवती की मौत की खबर क्षेत्र में पहुंची, पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर समय रहते प्रभावी कदम न उठाने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल और सफाई व्यवस्था की कमी के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इधर, स्वास्थ्य विभाग के लिए भी यह स्थिति बड़ी चुनौती बनती जा रही है। 210 से अधिक संक्रमित मामलों ने संकेत दिया है कि बीमारी तेजी से फैल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, पेयजल स्रोतों की जांच की जाए और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि इस बीमारी पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर संस्थान का नाम रोशन किया है। कॉलेज की होनहार छात्रा राजकुमारी ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है। राजकुमारी की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा है। कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में जगह बनाई है। इन परीक्षा परिणामों में बी. फार्मेसी सातवें सत्र में तीन छात्राओं श्रुति, सृष्टि, पलक ने 9.33 सीजीपीए के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया, जबकि सुमेश ने 9.30 सीजीपीए के साथ दसवां स्थान हासिल किया है। बी. फार्मेसी पांचवें सत्र में राजकुमारी ने 9.38 सीजीपीए के साथ प्रथम स्थान, रजत ने 8.92 सीजीपीए के साथ छठा स्थान प्राप्त किया। वहीं समीर, प्रियनंदिनी, अजय ने 8.77 सीजीपीए के साथ आठवां, पियूषा, रिंचन ने 8.69 सीजीपीए के साथ नौवां तथा भूषण, हन्नी, हार्दिक, रुद्र, सिमरन, मनीष व नितिन गोरे ने 8.62 सीजीपीए के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया। वहीं बी. फार्मेसी के तीसरे सत्र में पलक 9.25 सीजीपीए के साथ पांचवें, प्रिया 9.17 सीजीपीए के साथ छठे तथा साक्षी 8.92 सीजीपीए के साथ नौवें स्थान पर रही। बी. फार्मेसी प्रथम सत्र की जुबीन ने 9.31 सीजीपीए के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर मिनर्वा ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रबंधक इंजीनियर जे. एस. पटियाल, डीन अकादमिक प्रोफेसर बी. डी. शर्मा, प्राचार्य डॉ. कपिल कुमार वर्मा तथा समस्त स्टाफ ने छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डीन अकादमिक एवं स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. बी. डी. शर्मा ने कहा कि यह सफलता राजकुमारी की कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मिनर्वा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्रिंसिपल डॉ. कपिल कुमार वर्मा ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि टॉपर्स ने अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्थापित की है। हमें विश्वास है कि वे भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे। राजकुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को देते हुए कहा कि समर्पण और निरंतर परिश्रम से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, गवर्नमेंट कॉलेज, संजौली में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत शिवानी कपरेट को आउटस्टैंडिंग वूमेन साइंटिस्ट अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रदान किया गया, जिसका संयुक्त आयोजन आईसीएफआरई-एचएफआरआई, शिमला तथा मेडिसिनल प्लांट बोर्ड, आरआरएस, हिमाचल प्रदेश और आईएसएएचआरडी सोसायटी, नई दिल्ली द्वारा किया गया था। बता दें कि शिवानी कपरेट ने हनी आधारित सिल्वर नैनो पार्टिकल्स पर शोध किया है, जो चिकित्सा और औषधीय उपयोगों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिवानी द्वारा 11 शोध पत्र प्रतिष्ठित जर्नल्स में प्रकाशित है और 1 पेटेंट भी इस विषय में उनके नाम पर दर्ज है।
राजकीय महाविद्यालय इन्दौरा (GDC Indora) में विदाई समारोह का प्रतिवेदन राजकीय महाविद्यालय इन्दौरा में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के सभागार में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्राचार्य महोदय डॉ. विवेक कुमार एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। मंच संचालन का दायित्व महाविद्यालय के छात्रों ने बखूबी निभाया और पूरे कार्यक्रम को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया। इस अवसर पर कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विदाई समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर फेयरवेल’ और ‘मिस फेयरवेल’ का चयन रहा। इसके लिए विभिन्न राउंड आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने आत्म-परिचय, प्रश्नोत्तर और प्रतिभा प्रदर्शन के माध्यम से अपनी योग्यता का परिचय दिया। अंततः निर्णायक मंडल द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई। विजेताओं को स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए। अंकिता को मिस फेयरवेल तथा अरुण को मिस्टर फेयरवेल चुना गया। कार्यक्रम के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। प्राचार्य महोदय डॉ. विवेक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी प्रेरित किया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय के द्वार सदैव उनके लिए खुले रहेंगे। अन्य प्राध्यापकों डॉ. पंकज कौशल, डॉ. रजनी, डॉ. पूनम ने भी अपने विचार व्यक्त किए और विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को यह सलाह दी कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के कल्याण के लिए करें और हमेशा नैतिक मूल्यों का पालन करें। विदाई समारोह के अंत में सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इसके पश्चात सामूहिक फोटो सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ तस्वीरें खिंचवाकर इस दिन को यादगार बना लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी, जिसका सभी ने आनंद लिया। यह विदाई समारोह न केवल एक औपचारिक कार्यक्रम था, बल्कि यह भावनाओं, यादों और भविष्य की आशाओं से भरा एक यादगार दिन बन गया। इस अवसर पर जहां एक ओर अंतिम वर्ष के विद्यार्थी अपने नए जीवन की ओर अग्रसर हुए, वहीं दूसरी ओर उन्होंने अपने महाविद्यालय के साथ बिताए गए अनमोल पलों को सहेज कर रखा। अंत में कहा जा सकता है कि यह विदाई समारोह अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। इसने विद्यार्थियों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत किया तथा उन्हें जीवन के अगले चरण के लिए उत्साहित किया। महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयास से यह कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से सम्पन्न हुआ।
जिला सोलन के तहत पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए चिट्टा/हेरोइन तस्करी से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। जांच के दौरान इन आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के समय उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जो पुलिस को देखकर वाहन रुकते ही मौके से फरार हो गया था। बाद में फरार आरोपी की पहचान सचिन ठाकुर (31), पुत्र इंदर सिंह ठाकुर, निवासी गांव शिल्ली, डाकघर दामकड़ी, तहसील व जिला सोलन के रूप में हुई। पुलिस थाना धरमपुर की टीम द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। तलाशी अभियान के दौरान आज 18 मार्च 2026 को पुलिस ने आरोपी सचिन ठाकुर को सोलन शहर से गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस थाना सदर सोलन में उसके खिलाफ चिट्टा/हेरोइन तस्करी के दो मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा, उसे हिमाचल प्रदेश सरकार के आदेशानुसार 10 जून 2025 को PIT NDPS Act, 1988 की धारा 3(1) के तहत आदतन अपराधी मानते हुए तीन महीने के लिए जेल भेजा गया था। जेल से रिहा होने के बाद भी आरोपी ने फिर से नशा तस्करी में संलिप्तता जारी रखी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को 19 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
आईईसी विश्वविद्यालय के बिजनेस मैनेजमेंट और कॉमर्स विभाग द्वारा "गैमिफिकेशन: वित्तीय साक्षरता और सिक्योरिटीज मार्केट्स" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बी. कॉम, बीबीए, एमबीए और एम. कॉम के छात्रों ने भाग लिया। इस अवसर पर सेबी स्मार्ट सर्टिफाइड ट्रेनर विराज सिंगल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को वित्तीय साक्षरता और सिक्योरिटीज मार्केट्स के बारे में बड़ी ही सरल भाषा में समझाया। छात्रों ने भी चर्चा में बढ़ चढ़ कर भाग लिया और कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। इस कार्यशाला के अंत में, आईईसी विश्वविद्यालय के बिजनेस मैनेजमेंट और कॉमर्स विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विकास श्योरन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला छात्रों के लिए बहुत उपयोगी रही और उन्हें वित्तीय साक्षरता और सिक्योरिटीज मार्केट्स के बारे में जानकारी प्राप्त करने में मदद मिली। उन्होंने इस कार्यशाला के सफल आयोजन में सहयोग के लिए स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के डीन डॉ. रविंदर सिंह मदान का भी धन्यवाद किया।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 616 ग्राम चरस के साथ छह युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित बलोह मल्यावर लिंक रोड पर की गई। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर दो कारों को जांच के लिए रोका। दोनों वाहनों में कुल छह युवक सवार थे। तलाशी के दौरान एक कार की परिचालक सीट के नीचे रखे एक पाउच से 616 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान जसवीर निवासी जिला जींद (हरियाणा), छबील ठाकुर निवासी जिला कुल्लू, आयुष निवासी भांबला जिला मंडी, नितिन कुमार निवासी जिला हमीरपुर, प्रदीप निवासी जिला जींद (हरियाणा) और गिरिराज निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। घुमारवीं पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
सुंदरनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नवविवाहित जोड़े को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। यह दोनों सुंदरनगर के एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के समीप एक निजी होटल के कमरे में एक युवक और युवती ठहरे हुए है और चिट्टा बेचने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोपहर करीब ढाई बजे मौके पर दबिश दी और कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से 21.017 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। जबकि तलाशी के दौरान 19,510 रुपये नकद बरामद हुए हैं। युवक की पहचान अरुण भट्टी निवासी जेल रोड, जिला मंडी, जबकि युवती पारुल गुलेरिया निवासी गांव व डाकघर द्रंग, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि इन दोनों पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।
दयानंद आदर्श विद्यालय, सोलन में मंगलवार 17 मार्च को कक्षा आठवीं एवं नौवीं के विद्यार्थियों के मध्य “नैतिक मूल्यों एवं चरित्र निर्माण का महत्व” विषय पर इंटर क्लास स्किट कॉम्पिटिशन का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा उनके व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या उषा मित्तल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रतियोगिता के आयोजन विद्यालय की एक्टिविटी इंचार्ज (मिडिल क्लासेज) संगीता ठाकुर द्वारा की गई। इस प्रतियोगिता के निर्णायक गण - फूलाधर, रोमिला कंवर, सुमिति चंदेल थे। विद्यार्थियों ने अपनी सजीव और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से अनेक प्रेरणादायक संदेश दिए। स्किट्स के द्वारा मजबूत चरित्र निर्माण, माता-पिता, दादा-दादी एवं बड़ों का सम्मान तथा बालिका शिक्षा के महत्व जैसे विषयों को बहुत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय और प्रधानाचार्या का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं दे रहा, बल्कि उन्हें एक अच्छा इंसान बनने की दिशा में भी मार्गदर्शन दे रहा है। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट अभिनय, प्रभावशाली संवाद और सशक्त संदेशों ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। प्रधानाचार्या उषा मित्तल ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं और कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। जूनियर श्रेणी में कक्षा 8वीं ‘बी’ की स्किट को “अत्यधिक सराहनीय” घोषित किया गया। इसका विषय “different sanskaar one lesson” था। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार अर्श को (पिता की भूमिका के लिए) तथा द्वितीय सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार वंश को (पुत्र की भूमिका के लिए) दिया गया। जबकि “सराहनीय” स्किट कक्षा 8वीं ‘ए’ की रही, जिसका विषय “A father's sacrifices” था। सीनियर श्रेणी में “अत्यधिक सराहनीय” का पुरस्कार कक्षा 9वीं ‘ए’ को दिया गया, जिसका विषय “Break the chain,let girls study” था। द्वितीय सर्वश्रेष्ठ स्किट कक्षा 9वीं ‘सी’ की रही, जिसका विषय “Parents are not burden” था। तृतीय सर्वश्रेष्ठ स्किट का पुरस्कार कक्षा 9वीं ‘बी’ को दिया गया, जिनका विषय “old values new dreams” था। सीनियर श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेताओं के रूप में नायशा (पुत्री की भूमिका), आदित्य (पिता की भूमिका) तथा परीक्षित (दादा की भूमिका) को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में शांति और सकारात्मकता का संचार हुआ।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण बुधवार से शुरू होगा। सत्र के लिए 834 प्रश्न पहुंचे हैं। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 11वें सत्र का दूसरा चरण पूर्वाह्न 11:00 बजे शुरू होगा और दो अप्रैल तक चलेगा। दूसरे चरण में 13 बैठकें प्रस्तावित हैं। 18, 19 और 20 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी और मुख्यमंत्री 20 मार्च को चर्चा का जवाब देंगे। 21 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे मुख्यमंत्री सुक्खू बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सदन में पेश करेंगे। 23, 24 व 25 मार्च को बजट अनुमानों पर चर्चा होगी। 27, 28 व 30 मार्च को बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2026-27 की मांगों पर चर्चा एवं मतदान होगा। 30 को ही बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2026-27 की मांगों पर चर्चा एवं मतदान और विमर्श एवं पारण होगा। 31 मार्च को गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस, एक व दो अप्रैल को भी शासकीय एवं विधायी कार्य होंगे। पठानिया ने सत्ता पक्ष और प्रतिपक्ष से रचनात्मक सहयोग की अपील की। भाजपा विधायक बुधवार से शुरू हो रहे बजट सत्र के दौरान सरकार को चुनावी और बजट घोषणाएं पूरी नहीं होने पर घेरेंगे। मंगलवार शाम को विली पार्क शिमला में नेता विपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में कांग्रेस सरकार की नीतियों, प्रशासनिक विफलताओं और जनविरोधी फैसलों पर चर्चा हुई। सरकार की विफलताओं को सदन में जोरदार तरीके से उठाने का फैसला लिया गया। विधायकों ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
आईईसी विश्वविद्यालय ने विभिन्न प्रतिष्ठित फार्मा कंपनियों के साथ मिलकर फार्मेसी विभाग के छात्रों के लिए कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया। इस आयोजन में बी. फार्मेसी और एम. फार्मेसी के फाइनल ईयर और पास आउट छात्रों ने भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न फार्मा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्रों को लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और विभिन्न मापदंडों पर परख कर उन्हें नौकरी के उपयुक्त अवसर प्रदान किए। इस प्लेसमेंट ड्राइव में इमैक्यूल लाइफसाइंसेज से गुणवत्ता उपाध्यक्ष मंगेश कोटेकर और मानव संसाधन अधिकारी गुरदास व सृष्टि जैन, एक्मे जेनेरिक्स से उत्पादन प्रबंधक संदीप और मानव संसाधन अधिकारी प्राणिका जैन और एक्मे फॉर्मूलेशन से मानव संसाधन अधिकारी रिंकू राणा विशेष तौर से उपस्थित रहे। उन्होंने कुछ छात्रों का मौके पर ही चयन कर लिया और अन्य छात्रों को भी भविष्य में अवसर देने की बात कही। आईईसी विश्वविद्यालय की सीनियर मैनेजमेंट ने चयनित छात्रों और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर को इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। आईईसी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. प्रल्हाद गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन आईईसी विश्वविद्यालय के छात्रों को फार्मास्यूटिकल उद्योग में सफल करियर बनाने में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि छात्र-हित के लिए इस प्रकार के और भी कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव जल्द ही आयोजित किए जा रहे हैं।
शूलिनी विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय वार्षिक पुष्प उत्सव में 500 से अधिक आगंतुक शामिल हुए, जहां विश्वविद्यालय के फार्मों में उगाई गई 200 से अधिक किस्मों के फूलों का प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के वन विभाग के पूर्व प्रमुख डॉ. पंकज खुल्लर ने किया। वानिकी प्रशासन में व्यापक अनुभव रखने वाले खुल्लर ने वानिकी और मृदा संरक्षण परियोजनाओं की योजना, कार्यान्वयन, निगरानी और मूल्यांकन में कार्य किया है। इस अवसर पर उपस्थित एक अन्य अतिथि, रॉयल हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी (यूके) के आजीवन सदस्य दुरलभ सिंह पुरी ने पुष्प उत्सव के आयोजन के प्रयासों की सराहना की और इसके व्यापक प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, यह पहल लोगों को पौधे उगाने और प्रकृति को और अधिक गहराई से समझने के लिए प्रोत्साहित करती है। अपनी व्यक्तिगत पसंद साझा करते हुए, पुरी ने कहा कि बेगोनिया उनका पसंदीदा पौधा है, और यह उत्पादकों को पौधों की देखभाल के बारे में बहुमूल्य सबक सिखाता है, जिसमें कीटों, रोगों और बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों से निपटने का तरीका भी शामिल है। पुष्प उत्सव में स्कूली छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें सेंट ल्यूक स्कूल (सोलन), सोलन पब्लिक स्कूल, गीता आदर्श विद्यालया (सोलन) और सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल (कसौली) के समूह शामिल थे। उत्सव में और भी रौनक लाने के लिए एक लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें 25 आगंतुकों को पुष्प उपहार मिले। इस वर्ष के आयोजन में 200 से अधिक प्रकार के पुष्पीय पौधे प्रदर्शित किए गए, जिनमें ऑर्किड, एंथुरियम, पिंक क्विल, ब्रोमेलियाड, रेनकुलस, बर्ड्स ऑफ पैराडाइज और बेगोनिया शामिल थे। छात्रों और कर्मचारियों द्वारा बनाई गई रचनात्मक कलाकृतियों और सजावटी व्यवस्थाओं ने उत्सव में कलात्मकता का स्पर्श जोड़ा। कुछ पौधे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंगवाए गए थे, जिनमें चीन से क्रिसमस कैक्टस शामिल था, जबकि बीज जर्मनी और इटली से आयात किए गए थे। लैंडस्केप और इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स के निदेशक सुरेश शर्मा ने वर्षों से उत्सव के विकास के बारे में बताया। इस आयोजन में स्थिरता को प्रमुखता दी गई। अपशिष्ट पदार्थों से निर्मित कलाकृतियों ने दिखाया कि कैसे बेकार पड़ी वस्तुओं को उपयोगी और आकर्षक प्रदर्शनियों में परिवर्तित किया जा सकता है। स्थिरता और सामुदायिक सहभागिता की निदेशक पूनम नंदा ने महोत्सव के आयोजन और प्रबंधन में सहयोग करने वाले छात्रों के प्रयासों की सराहना की। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के नेतृत्वकर्ता भी उपस्थित थे, जिनमें कुलाधिपति प्रो. पी. के. खोसला, प्रो-चांसलर विशाल आनंद, कुलपति प्रो. अतुल खोसला, न्यासी और उपाध्यक्ष अवनी खोसला और ट्रस्टी और निदेशक निष्ठा शुक्ला आनंद शामिल थीं।
सोलन जिले के नालागढ़ में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। वार्ड नंबर-2 में एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान वार्ड नंबर-2 निवासी आमिर खान के रूप में हुई है। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुई। जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात युवक ने आमिर खान पर अचानक गोली चला दी। गोली आमिर खान के दाहिने हाथ में लगी, जबकि उसके कुछ छर्रे पेट में भी घुस गए। गोली गलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद, आमिर ख़ान को उसके परिजन इलाज के लिए नालागढ़ अस्पताल ले गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गोली लगने का एक केस आया था। घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे तुरंत PGI चंडीगढ़ भेजा गया है।
इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन ने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पराल का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की तथा अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने बताया कि ठाकुरद्वारा से मलकाना पराल पुल तथा त्योड़ा पत्तन पुल को विधायक प्राथमिकता में शामिल किया गया है। इन दोनों पुलों का बजट स्वीकृत होते ही उनके निर्माण कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पराल स्कूल में शिक्षकों की कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिल सकें। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और उन्हें निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और क्षेत्र के विकास के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे। इस अवसर पर बीडीओ सुदर्शन सिंह, पूर्व प्रधान केवल कृष्ण, पूर्व प्रधान तारा चंद, पोंग बांध निदेशक विशाल ठाकुर, किसान मोर्चा के राजेश, कार्यकर्ता गगन सिंह, दिलावर सिंह, स्वदेश (सोनू) सहित अन्य व्यक्ति व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सोलन जिला में परवाणू पुलिस थाना के तहत भोजनगर गांव के समीप करालघाट के घने जंगल में संदिग्ध हालात में युवती और युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि युवती का शव जमीन पर पड़ा था। युवती के मुंह-नाक से खून निकल रहा था। जानकारी के अनुसार एक वाहन चालक करालघाट देवता के पास सोमवार शाम करीब 5:15 बजे गाड़ी रोककर मंदिर में गया तो अचानक उसने वहां पर युवक को पेड़ पर लटके देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना भोजनगर पुलिस चौकी को दी। इस दौरान उसे यहां पर एक युवती जमीन पर पड़ी दिखी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि युवक का शव पेड़ से लटका हुआ था। युवक की पहचान 22 वर्षीय करण निवासी खील को मोड़ (पडगयानी) जिला सोलन के रूप में की है, जबकि युवती की शिनाख्त याशिका लामा (20) निवासी गौतम बुद्ध विहार देउंघाट सोलन मूल निवासी नेपाल के तौर पर हुई है। लड़की के सिर पर हेलमेट था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले को लेकर परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। डीएसपी परवाणू अनिल ने भी मौके का निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि शव कब्जे में ले लिए हैं। उधर, एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू से तफ्तीश में जुटी है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी कई सबूत जुटाए है। परिजनों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
क्षेत्र के विकास को गति देते हुए विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को अटाहड़ा पंचायत में विकास कार्यों की समीक्षा की तथा 10 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड नंबर-05 में पक्के रास्ते के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त जीप योग्य रास्ते के निर्माण, ढंगा निर्माण, सुरक्षा दीवार निर्माण तथा अटाहड़ा में मुख्य रास्ते तक संपर्क मार्ग के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो विकास कार्य चल रहे हैं या अभी तक शुरू नहीं हो पाए हैं, उन्हें शीघ्र शुरू करवाया जाए ताकि लोगों को समय पर सुविधाएं मिल सकें। विधायक ने कहा कि अटाहड़ा पंचायत क्षेत्र में बस सेवा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पांच इलेक्ट्रिक बसों की मांग की गई है और आवश्यकता के अनुसार रूट व समय निर्धारित कर उन्हें चलाया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गंगथ अस्पताल में डॉक्टरों के सभी छह पद भर दिए गए हैं। आने वाले समय में शेष विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए भी मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी जाएगी। विधायक ने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाना और पूरे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना ही उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर बीडीओ सुदर्शन सिंह, नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ता जगमोहन पठानिया, हरबंस धीमान, सुरेश कुमार, सरदार अली, हरी सिंह, शमशेर सिंह, विशन सिंह, पूर्व उपप्रधान सुनील ठाकुर तथा पूर्व प्रधान तरसेम सिंह सहित अन्य व्यक्ति व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने डमटाल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों से 114.2 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस टीमें गश्त और नशा विरोधी अभियान के दौरान क्षेत्र कंडवाल, भदरोया, डमटाल और छन्नी आदि में मौजूद थीं। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति एनएच-44 के पास एक्साइज बैरियर भदरोया के समीप बैठे हुए हैं तथा उनके पास एक कैरी बैग में भारी मात्रा में चरस है और वे इसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे हुए पाए गए। पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पहचान बलदेव पुत्र नंद लाल, निवासी गांव मकण, डाकघर सनवाल, तहसील चुराह जिला चंबा (उम्र 44 वर्ष) तथा जीत पुत्र लोभी, निवासी गांव मकण, डाकघर सनवाल, तहसील चुराह जिला चंबा (उम्र 40 वर्ष) के रूप में बताई। पुलिस ने जब उनके कैरी बैग की तलाशी ली तो बैग के भीतर पॉलीथीन में छिपाकर रखी 114.2 ग्राम चरस बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना डमटाल में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। साथ ही पुलिस जिला नूरपुर ने आम जनता से अपील की है कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा के सभागार में उपमंडल स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जमीनी स्तर पर लोगों की शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक तीन माह के बाद उपमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है। विधायक ने कहा कि समिति के गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं का निर्धारित समयावधि में समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा रखे गए मुद्दों और दिए गए सुझावों पर गंभीरता से कार्य करते हुए उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श कर ठोस निर्णय लेना है, ताकि कम समय में लोगों की शिकायतों का समाधान हो सके और उन्हें विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके। विधायक ने कहा कि अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए प्रयास करने चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बिजली और जल शक्ति विभाग को गर्मियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं और इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सके। बैठक में एसडीएम डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, एसीएफ निशांत पराशर, डीएसपी संजीव यादव, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता आनंद बलौरिया, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप सान्याल, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एमओ डॉ. सुरेश कुमार, एसएचओ इंदौरा आशीष पठानिया, एसएचओ डमटाल विशाल ठाकुर, बीएमओ संदीप महाजन, बीएमओ नूरपुर डॉ. दिलावर, एसडीओ सॉयल विजय ठाकुर, बीईईओ किरण बाला, एसडीओ शाहनहर परमजीत सिंह, नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, सदस्य सचिव नितिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त गैर-सरकारी सदस्यों में विजय शर्मा, स्वदेश चंबियाल, विजय कुमार, सुनीता कटोच, अनिल कटोच, रणजीत पठानिया, जगन्नाथ तथा नरेश शर्मा भी बैठक में उपस्थित रहे।
जिला पुलिस शिमला द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चंडीगढ़ से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कुमारसेन थाना में अभियोग संख्या 20/2026, दिनांक 12 मार्च 2026 को ND&PS Act की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस दौरान पुलिस ने 12.36 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। प्रारंभिक कार्रवाई में तीन आरोपियों राहुल लारजु (27 वर्ष) निवासी गांव व डाकघर बौन्डा, तहसील रामपुर, जिला शिमला (हि.प्र.), शुभम खन्ना (31 वर्ष) निवासी गांव ढेऊ, डाकघर सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला (हि.प्र.), विकास मिन्ज (26 वर्ष) निवासी तेलीगाना मंगपदा, डाकघर विरानगटोली, तहसील कुटरा, जिला सुन्दरगढ़, ओडिशा को गिरफ्तार किया गया था। मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज की पड़ताल करते हुए नशे की आपूर्ति श्रृंखला का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर संजय उर्फ गांजी, निवासी मौली जागरा कॉम्प्लेक्स, चंडीगढ़ है। जिला पुलिस शिमला की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है तथा मामले की जांच आगे भी जारी है।
धर्मपुर बाजार में दुकानों के बाहर अवैध तरीके से खड़ी की जा रही गाड़ियों ने आम लोगों और पुलिस प्रशासन दोनों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। बाजार में जगह-जगह बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे वाहन अक्सर जाम की स्थिति पैदा कर देते हैं, जिससे राहगीरों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन चालक अपने वाहन सीधे दुकानों के सामने सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो जाती है। जाम की स्थिति बनने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू करना पड़ता है। कई बार पुलिस कर्मियों को वाहनों को हटवाने के लिए वाहन चालकों को ढूंढना पड़ता है, जिससे समय भी बर्बाद होता है और लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने बताया कि बाजार में अवैध तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालकों के चालान भी किए जा रहे हैं जो नियमों की अनदेखी कर सड़क पर वाहन खड़े कर देते हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि बाजार में खरीदारी के लिए आने पर अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़क के किनारे या दुकानों के सामने वाहन खड़ा करने से जाम की समस्या पैदा होती है, जिससे सभी को परेशानी होती है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन ने लोगों से सहयोग की भी अपील की है ताकि धर्मपुर बाजार में जाम की समस्या से राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
किसान भवन ध्वाली में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान (15–16 मार्च) का रविवार को अंतिम सत्र के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम सत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सचिव व संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के प्रभारी तिलक राज शर्मा ने प्रशिक्षु वर्ग को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार द्वारा देशहित में किए जा रहे कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और मजदूर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, ताकि आम जनता को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान धर्मपुर भाजपा नेता व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के आयोजन को संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, नीतियों और कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है। शिविर में विभिन्न सत्रों के माध्यम से भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और प्रशिक्षु वर्ग उपस्थित रहा।
शिमला शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात पाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नए निर्देश जारी किए हैं। दरअसल, शहर में सभी लोग अपने दैनिक कार्यों, कार्यालय जाने तथा बच्चों के स्कूल जाने के लिए विभिन्न वाहनों का उपयोग करते हैं। इसी प्रकार दोपहर बाद स्कूलों की छुट्टी और कार्यालयों से लोगों के घर लौटने के दौरान सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है, जिससे कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस संदर्भ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला द्वारा सभी थाना प्रभारियों (SHO) को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे पीक आवर्स के दौरान यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु स्वयं ट्रैफिक संचालन की कमान संभालेंगे। उन्होंने निर्देश जारी किए हैं कि विभिन्न बाधा बिंदुओं (बॉटलनेक्स) पर लगने वाले ट्रैफिक जाम की चुनौती को देखते हुए शिमला शहर के सभी SHO प्रतिदिन सुबह 09:00 बजे से 10:30 बजे तथा दोपहर बाद 04:30 बजे से 06:00 बजे तक व्यक्तिगत रूप से यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद अब सभी SHO सुबह और शाम की व्यस्त अवधि के दौरान शिमला ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित कर रहे हैं तथा जाम की स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर रहे हैं, जिससे सुगम ट्रैफिक संचालन मजबूत हो रहा है।
सी हॉक क्रिकेट क्लब भोगरवा की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला मशापुर और हिमाचल प्रदेश पुलिस डिपार्टमेंट की टीमों के बीच खेला गया। इस टूर्नामेंट में कुल 40 टीमों ने भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में सभी टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद मशापुर और हिमाचल प्रदेश पुलिस डिपार्टमेंट की टीमें फाइनल तक पहुंचीं | फाइनल मुकाबले में मशापुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 101 रनों का लक्ष्य रखा। मशापुर के बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल प्रदेश पुलिस डिपार्टमेंट की टीम ने शानदार खेल दिखाया और मुकाबले को आखिरी ओवर तक रोमांचक बनाए रखा। आखिरकार हिमाचल प्रदेश पुलिस डिपार्टमेंट की टीम ने मशापुर की टीम को फाइनल में हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखने लायक था। इस पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पृथ्वी सलारिया को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 250 रन बनाए और 12 विकेट हासिल किए, जो टीम की सफलता में अहम साबित हुआ। फाइनल मुकाबले के अवसर पर विशेष अतिथि साहदेव ठाकुर भी मौजूद रहे, जिन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। सी हॉक क्रिकेट क्लब भोगरवा द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बेहतरीन मंच साबित हुआ, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला और खेल भावना को भी बढ़ावा मिला।
मंडल जसवां-प्रागपुर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा अपने-अपने विषयों को कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा जनता के हित में किए गए तथा किए जा रहे कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया। वहीं संजीव शर्मा ने पार्टी का इतिहास एवं उसके विकास के बारे में कार्यकर्ताओं को जागरूक किया। भावना शर्मा ने बूथ प्रबंधन तथा प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम के महत्व पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इसी क्रम में जिला देहरा के महामंत्री सुशील कालिया ने पार्टी के कार्यविस्तार की दृष्टि से बूथ स्तर पर किए जाने वाले आवश्यक कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा मुनीश शर्मा ने चर्चा के माध्यम से पार्टी की कार्यपद्धति की संरचना पर प्रकाश डाला। राहुल डोगरा ने डिजिटल युग में पार्टी की भूमिका तथा इस माध्यम से हम पार्टी और देश के लिए किस प्रकार योगदान दे सकते हैं, इस विषय पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर भाजपा मंडल जसवां–प्रागपुर के पदाधिकारी, ग्राम केंद्र प्रमुख एवं मंडल मोर्चा के अध्यक्ष और महामंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मंडी शहर के कांगणी क्षेत्र में आज (रविवार को) अत्याधुनिक न्यायिक परिसर की आधारशिला रखी जाएगी। इस परियोजना का शिलान्यास भारत के सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित न्याय पालिका और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। शनिवार देर शाम जस्टिस सूर्यकांत मंडी पहुंच गए थे। उनके यहां पहुंचने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वागत किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गुरमीत सिंह संधावालिया और अन्य न्यायाधीश भी उपस्थित रहे। यह आधुनिक न्यायिक परिसर करीब 120 बीघा भूमि पर बनाया जाएगा, जिस पर लगभग 152 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। न्यायिक परिसर में दो से चार मंजिला होगा और आठ अलग-अलग ब्लॉक बनाए जाएंगे। इनमें आधुनिक अदालत कक्ष, वकीलों के कार्यालय, रिकॉर्ड रूम और प्रशासनिक कार्यालय की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परिसर में एक आधुनिक सभागार (ऑडिटोरियम), कैंटीन और डिजिटल तकनीक से लैस रिकॉर्ड रूम भी तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य न्यायिक दस्तावेजों का सुरक्षित और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करना है। इसके अतिरिक्त, सैकड़ों वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। नए न्यायिक परिसर से अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। वादियों और आम लोगों को भी एक ही परिसर में न्यायिक सेवाएं अधिक सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी। वर्तमान में जिला एवं सत्र न्यायालय का संचालन शहर के पुराने परिसर से होता है, जहां स्थान की कमी के कारण कई समस्याएं आती हैं। शिलान्यास समारोह के बाद कांगणी स्थित संस्कृति सदन में एक विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इंदौरा के राजकीय महाविद्यालय सुगभटोली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें विधायक मलेंद्र राजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने बताया कि संत बाबा फकीर चंद जी के प्रयासों से इस क्षेत्र में कॉलेज की स्थापना संभव हो सकी है। वर्ष 1992 में स्थापित इस कॉलेज को 6 अगस्त 2016 को प्रदेश सरकार ने अपने अधीन ले लिया था। कहा कि पिछले वर्ष 100 से कम विद्यार्थियों वाले कॉलेजों को बंद करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के समक्ष इस कॉलेज का मुद्दा उठाया, जिसके बाद सरकार ने अधिसूचना वापस लेकर कॉलेज को जारी रखने का निर्णय लिया। वर्तमान में यहां 112 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कॉलेज में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार के समक्ष मामला उठाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में परिवहन सुविधा को देखते हुए भविष्य में इलेक्ट्रिक बस चलाने के प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने बताया कि चंगराड़ा से वाया मकडोली रैहन सड़क का निर्माण लगभग 12.5 करोड़ रुपये तथा टप्पा से चंगराड़ा सड़क का निर्माण लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने सुगभटोली वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करवाने और क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही। इसके अलावा कॉलेज में आईसीटी लैब के लिए पांच कंप्यूटर उपलब्ध कराने और भवन की मरम्मत करवाने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नमेश कुमार, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हरियाणा में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए विशेष रणनीति अपनाई है। पार्टी ने हरियाणा के 31 विधायकों को शिमला के पास कुफरी क्षेत्र में गलू स्थित ट्विन टावर होटल में ठहराया है। होटल परिसर और उसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जहां दिन-रात पुलिस का पहरा लगा हुआ है। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के राजनीतिक सलाहकार सुनील बिट्टू ट्विन टावर होटल पहुंचे और हरियाणा कांग्रेस के विधायकों से मुलाकात की। करीब दो घंटे चली बैठक के बाद वे शिमला लौट गए। होटल की सुरक्षा को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर भी पुलिस तैनात की गई है, ताकि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति होटल परिसर तक न पहुंच सके। मीडिया को भी होटल से लगभग 200 मीटर पहले ही रोक दिया गया है। होटल के अंदर जाने की अनुमति केवल कर्मचारियों को ही दी गई है। सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ कांग्रेस विधायकों ने होटल से बाहर मॉर्निंग वॉक पर जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद कुछ विधायक होटल परिसर के अंदर ही टहलते नजर आए, जबकि कई विधायक अपने कमरों की खिड़कियों से बाहर देखते दिखाई दिए। शुक्रवार शाम हरियाणा कांग्रेस के 31 विधायकों के अलावा पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता और सांसद भी शिमला पहुंचे थे। इनके ठहरने की व्यवस्था अलग-अलग दो होटलों में की गई है। हरियाणा से आए कुछ नेता कुफरी स्थित रेडिसन होटल में भी ठहरे हुए हैं। कांग्रेस को आशंका है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान कुछ विधायक क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए पार्टी ने अपने विधायकों को एक साथ सुरक्षित स्थान पर रखने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि छह विधायक अभी शिमला नहीं पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक, 16 मार्च की सुबह सभी विधायकों को शिमला से हरियाणा ले जाया जाएगा और उन्हें सीधे मतदान स्थल तक पहुंचाया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की राजनीतिक उठापटक से बचा जा सके।
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में आज गर्मी और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार है। मौसम विभाग ने राज्य के 3 जिले कांगड़ा, मंडी और सोलन में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि लाहौल स्पीति और चंबा की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है। राज्य में आज रात से एक फ्रेश वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार- कल (रविवार को) पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसे देखते हुए ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 16 मार्च को भी पूरे हिमाचल में मौसम खराब बना रहेगा और कई जगहों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है। इसके बाद 17 मार्च को यह सिस्टम कुछ कमजोर पड़ने की संभावना है, लेकिन राहत ज्यादा देर तक नहीं रहेगी। वंही 18 और 19 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा। इन 2 दिनों के दौरान भी पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। लगातार बदलते मौसम के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने हीटवेव अलर्ट को देखते हुए लोगों को दिन के समय धूप से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि मौसम में यह गर्मी ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी।
पुलिस थाना रैहन में शिकायतकर्ता जीवन लता निवासी गांव पंजासरा की शिकायत पर उनके घर का दरवाजा तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोने के गहने, एक जेंट्स अंगूठी, एक लेडीज अंगूठी, एक जोड़ी टॉप्स, भगवान सत्यनारायण की एक छोटी मूर्ति तथा कुछ नगदी चोरी कर ली गई। इस संबंध में FIR नं. 23/26 दिनांक 07-03-2026 धारा 331(4), 305 BNS के अंतर्गत पुलिस थाना रैहन में मामला दर्ज किया गया। मामले की तफ्तीश के दौरान यह पाया गया कि दिनांक 08-03-2026 को पुलिस थाना रैहन में दर्ज मु0 नं. 24/26 धारा 21, 25, 29 NDPS Act के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने उपरोक्त चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों की पहचान राजेश सिंह पुत्र कर्म सिंह कुमार निवासी वार्ड नं. 02, गांव व डाकघर रैहन, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा (हि.प्र.) तथा शुभव उर्फ शुभू पुत्र संजय कुमार निवासी वार्ड नं. 05, रैहन, डाकघर रैहन, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा (हि.प्र.) के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपियों से चोरी हुआ सामान जिसमें एक लेडीज सोने की अंगूठी, एक सोने का झुमका लाल नग सहित व उसकी चेन, एक Key Ring, एक जोड़ी लेडीज बिछुए, एक सिल्वर अंगूठी तथा घर से चोरी किए गए 02 DVR व एक WIFI उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपियों से अन्य संभावित चोरियों के संबंध में गहन पूछताछ जारी है तथा उपरोक्त अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है ।
पुलिस थाना नूरपुर के तहत आने वाले गांव कदरोह, डाकघर खैरयां के 13 वर्षीय बालक आयुष पठानियां के लापता होने का मामला दुखद अंत के साथ सामने आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2026 को आयुष पठानियां के लापता होने की सूचना पुलिस थाना नूरपुर को मिली थी। सूचना मिलते ही नूरपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से उसकी तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया था। तलाशी अभियान के दौरान 11 मार्च को ग्रेली खड्ड (नागनी) के पास बालक के कपड़े और चप्पलें बरामद हुईं। इसके बाद खड्ड में खोजबीन करने पर बालक का शव भी बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और DFU टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। इस मामले में पुलिस थाना नूरपुर में धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवठी के दो छात्रों ने एन.एम.एम.एस. (NMMS) छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय की छात्रा दिशिता ठाकुर और लक्ष्य वर्मा ने इस छात्रवृत्ति परीक्षा को उत्तीर्ण कर विद्यालय सहित जिला का नाम रोशन किया है। छात्रा दिशिता ने इस परीक्षा में प्रदेश स्तर पर नौवां स्थान प्राप्त किया है। इस छात्रवृत्ति परीक्षा के अंतर्गत दोनों छात्रों को प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी, जो उन्हें कक्षा 9वीं से लेकर 12 कक्षा तक मिलती रहेगी। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल चंद शर्मा ने इस उपलब्धि पर दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय पिछले तीन वर्षों से लगातार इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर रहा है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन के कारण ही विद्यार्थी इस परीक्षा में सफलता हासिल कर रहे हैं। प्रधानाचार्य ने विशेष रूप से टी.जी.टी. (नॉन-मेडिकल) नलेंद्र वर्मा के मार्गदर्शन और प्रयासों की सराहना की, जिनकी मेहनत से विद्यार्थियों को इस परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी करने में सहायता मिली। प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करने और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने आज राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी शिक्षण संस्थानों को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षण संस्थानों की संख्या बढ़ाने के बजाय उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में इंदौरा लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इंदौरा क्षेत्र के तीन विद्यालयों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा, गंगथ स्कूल तथा ठाकुरद्वारा स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे। विधायक ने कहा कि राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा की स्थापना वर्ष 1995 में हुई थी, उस समय कॉलेज में केवल 53 विद्यार्थी थे, जबकि आज लगभग 800 विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज के विकास में कॉलेज छात्र संघ ,ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन तथा अभिभावक-शिक्षक संघ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि वर्ष 2024 में इंदौरा उत्सव की शुरुआत स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। इस उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। उन्होंने कहा कि जिस मंच पर राष्ट्रीय कलाकार प्रस्तुति दे रहे थे, उसी मंच पर क्षेत्र के स्थानीय कलाकारों और गायकों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विधायक ने कहा कि कॉलेज में छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में लगभग दोगुनी है, जो इस बात का संकेत है कि बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और भविष्य में क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने युवाओं से राजनीति और सामाजिक कार्यों में भी आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र से चिट्टे जैसे घातक नशे को जड़ से खत्म करने के लिए व्यापक जन अभियान चलाया जाएगा और समाज के सहयोग से इस बुराई को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से इस मुहिम में आगे आकर सहयोग देने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन की मांगों को विशेषकर शिक्षकों के रिक्त पदों जैसी मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, पूर्व प्रधान भूपाल कटोच, सतीश कटोच, पूर्व प्रधान सुधीर पठानिया, पूर्व प्रधान गुलशन लाला, एससी सेल अध्यक्ष राज कुमार, ओबीसी सेल अध्यक्ष केवल कृष्ण, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, विशाल ठाकुर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष वजिंदर पठानिया, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कनव ठाकुर, एनएसयूआई अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, पूर्व प्रधान जीवन सिंह, सुरजीत कटोच, रामलीला क्लब इंदौरा के पूर्व प्रधान उमाकांत सूदन, पीटीए उपप्रधान वजिंदर कंवर, अनिल कटोच, महाशू राम, नरेंद्र शर्मा, केवल कटोच, व्यापार मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, केवल कृष्ण शर्मा, मनीष ठाकुर, कॉलेज के प्राचार्य कुलवंत परमार, स्वदेश सोनू, एसडीओ जल शक्ति विभाग अनिल ठाकुर तथा एसडीओ बिजली बोर्ड शंकर दयाल सहित शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
शिमला पुलिस ने न्यू शिमला से एक करोड़ का नशीला पदार्थ पकड़ा है। एएसपी अभिषेक ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब के युवक और सिरमौर की युवती से 11.57 ग्राम एलएसडी(लिसेर्जिक एसिड डायथाइलैमाइड ) बरामद किया गया है। यह प्रतिबंधित ड्रग है और इसमें 20 साल तक की सजा का प्रावधान है। एएसपी अभिषेक ने बताया आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। लिसेर्जिक एसिड डायथाइलैमाइड यानी एलएसडी एक मादक पदार्थ है जिसमें सिंथेटिक केमिकल होता है। इसका ना कोई रंग होता है, न कोई खुशबू और न ही कोई स्वाद लेकिन इसका नशा बेहद खतरनाक होता है। बताया जाता है कि इसे लेने के 15 से 20 मिनट में नशा शुरू हो जाता है और लंबे समय तक रहता है। इस नशे से कई तरह की समस्याएं धड़कनें बढ़ना, ब्लड प्रेशर की समस्या, नींद और भूख गायब होना, घबराहट महसूस होती है। यहां तक कि हार्ट अटैक भी आ सकता है। ये लिक्विड, पाउडर और ब्लॉट्स तीनों रूप में मिल जाती है।
सोलन जिला के कण्डाघाट क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से कण्डाघाट नगर पंचायत को डिनोटिफाई कर ग्राम पंचायत बनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार कण्डाघाट को पुनः ग्राम पंचायत बनाने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की गरिमामयी उपस्थिति में कांग्रेस सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों में आस्था व्यक्त करते हुए पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत सिरीनगर तथा भाजपा के प्रमुख नेता गुरविन्द्र सिंह लगभग 50 कार्यकर्त्ताओं सहित भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्र में विकास की गति में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
धर्मपुर में 19.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन दो युवकों से बरामद किया गया। 10/11 मार्च 2026 की रात्रि को जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने पुलिस थाना धर्मपुर के क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार दो युवकों के कब्जे से 19.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है। जाँच के दौरान पाया गया कि उक्त आरोपियों के साथ एक तीसरा युवक भी मौजूद था, जो पुलिस को देखकर गाड़ी रुकते ही रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है और उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज दिनांक 11-03-2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्लू के एक युवक को 500 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना घुमारवीं की टीम क्षेत्र में नशा तस्करों पर नकेल कसने के उद्देश्य से बलोह-मल्यावर संपर्क मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही युवक घबराने लगा और उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। शक के आधार पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद बैग की जांच की गई, जिसमें से 500 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान निमत राम (33) निवासी गांव नडाहरा डाकघर रोपा तहसील स्यांज कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुट गई है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कुल्लू जिला के पतलीकूहल थाना क्षेत्र के तहत एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। वहीं, पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है. मृतक व्यक्ति आरोपी महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाहलमा में चपरासी के पद पर कार्यरत था। मृतक रंजीत सिंह निवासी उदयपुर, जिला लाहौल-स्पीति का रहने वाला था। मृतक की पत्नी पालमो ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका पति लगभग पांच वर्षों से पतलीकूहल निवासी एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहता था। 9 मार्च को गाड़ी के काम के कारण पतलीकूहल पहुंचा था और रात को महिला के कमरे में गया था। इसी दौरान फोन पर रंजीत की पत्नी से बातचीत भी हुई थी और वो नशे में लग रहा था। कमरे में रंजीत का लिव इन पार्टनर के साथ झगड़ा भी हुआ था। पालमो ने कहा कि जब 10 मार्च को लिव इन पार्टनर ने पुलिस को सूचना दी कि रंजीत उठ नहीं रहा है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में बिस्तर पर रंजीत सिंह का शव पाया। मृतक के गले, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट और खरोंच के निशान पाए गए। आशंका ये भी है कि किसी चीज से रंजीत पर वार किया गया है। पुलिस ने हत्या का राज जानने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि 'फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी लिव-इन पार्टनर को फिलहाल हिरासत में लिया गया है। आरोपी महिला के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ये जानने का प्रयास कर रही है कि मृतक और आरोपी महिला के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था। फिल्हाल शव को पोस्टमार्टम के लिए ढालपुर अस्पताल भेज दिया है और अब इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश के प्रीमियम हेल्थ इंस्टीट्यूट इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) में आज रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू हो रही है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू 11 बजे इसका शुभारंभ करेंगे। इस दौरान सीएम रोबोटिक सर्जरी से ऑपरेशन भी देखेंगे। इसके बाद IGMC शिमला में प्रदेशभर से आने वाले मरीजों को रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। IGMC प्रशासन के अनुसार- पहले दिन सर्जरी विभाग के ट्रेंड डॉक्टर रोबोटिक तकनीक से 3 सर्जरी करेंगे। इनके लिए विभाग के चार डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। ये ऑपरेशन दक्ष सर्जनों की देखरेख में किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, शिमला स्थित KNH अस्पताल से रेफर की गईं दो महिला मरीजों के गायनी से संबंधित सामान्य ऑपरेशन भी आईजीएमसी में ही किए जाएंगे। IGMC में रोबोटिक सर्जरी के लिए नया ऑपरेशन थिएटर तैयार किया गया है। अस्पताल में 30 बिस्तरों का एक विशेष वार्ड भी बनाया गया है, जिसमें ऑक्सीजन सहित सभी आवश्यक उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार ने आईजीएमसी में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने के लिए लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से रोबोटिक मशीन स्थापित की है। इस तकनीक में बहुत छोटे चीरे लगते हैं, जिससे मरीज को कम दर्द होता है और उसकी रिकवरी भी तेजी से होती है। मुख्यमंत्री सुक्खू रोबोटिक सर्जरी का शुभारंभ करने के बाद आईजीएमसी में 'राइट टू जस्टिस: एक्शन फॉर ऑल वुमन एंड गर्ल्स' विषय पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। आईजीएमसी के एमएस डॉ. राहुल राव ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी के शुभारंभ के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज रोबोटिक तकनीक से कुल पांच ऑपरेशन किए जाएंगे। राज्य सरकार इससे पहले अटल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चमियाना और नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भी रोबोटिक सर्जरी शुरू कर चुकी है।"
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला के अंतर्राज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) टूटीकंडी से प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इस नई सुविधा के तहत यात्री आईएसबीटी टूटीकंडी स्थित प्री-पेड टैक्सी काउंटर से टैक्सी बुक कर सकेंगे। व्यवस्था के अनुसार यात्री काउंटर पर निर्धारित किराया जमा करेंगे, जिसके बाद उन्हें एक भुगतान पर्ची दी जाएगी। यह पर्ची टैक्सी चालक को दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बाद चालक यात्री को उनके निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाएगा। यात्रा पूरी होने के बाद चालक उसी पर्ची को काउंटर पर जमा कर अपना भुगतान प्राप्त करेगा। इस व्यवस्था से यात्रियों को किराए को लेकर किसी प्रकार की असुविधा या विवाद का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि किराया पहले ही अदा किया जा चुका होगा। प्री-पेड टैक्सी सेवा के तहत शिमला शहर के भीतर 26 स्थानों को कवर किया जाएगा। इसके अलावा चंडीगढ़ शहर और चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी इस सेवा में शामिल हैं। इस सेवा के संचालन के लिए कुल 115 वाहन लगाए गए हैं, जिनका संचालन टैक्सी यूनियन द्वारा किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि यह पहल टैक्सी सेवा में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी, क्योंकि किराया दरें परिवहन विभाग द्वारा अधिसूचित की गई हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस बीच हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिमला से चंडीगढ़ के लिए चलने वाली प्री-पेड टैक्सियों के किराये में संशोधन करते हुए नई दरें अधिसूचित कर दी हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) आर.डी. नजीम द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आईएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ सिटी तक प्री-पेड टैक्सी का किराया 3000 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अधिकतम किराया 5000 रुपये तक लिया जा सकेगा। वहीं आईएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक प्री-पेड टैक्सी का किराया 3500 रुपये तय किया गया है और इसका अधिकतम किराया 5500 रुपये निर्धारित किया गया है। परिवहन विभाग के अनुसार यह संशोधित दरें प्वाइंट-टू-प्वाइंट आधार पर लागू होंगी, जिससे यात्रियों को पहले से तय किराए की सुविधा मिलेगी और अधिक किराया वसूलने की शिकायतों पर रोक लगेगी। नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
एसजेवीएन के नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन ने 150 बिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस उपलक्ष्य पर भूपेन्द्र गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एसजेवीएन ने नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन की टीम को 150 बिलियन यूनिट के संचयी विद्युत उत्पादन की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी। साथ ही देश के सबसे बड़े भूमिगत जलविद्युत स्टेशन, एनजेएचपीएस ने आज इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को पार करते हुए स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में अपने महत्वपूर्ण योगदान तथा नेशनल पावर ग्रिड को सुदृढ़ बनाने में अपनी अहम भूमिका को मजबूत करने की पुष्टि की। इस अवसर पर भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक) की उपस्थिति में एनजेएचपीएस पावर हाउस में समारोह आयोजित किया गया। विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख, आरएचपीएस, विकास शर्मा, परियोजना प्रमुख, एलएचईपी-I व मनमीत गुप्ता, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी, एसजेवीएन भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। भूपेन्द्र गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मई 2004 में अपनी कमीशनिंग के उपरांत नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन (एनजेएचपीएस) ने निरंतर उत्कृष्ट प्रचालन विश्वसनीयता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, “यह उत्तरी विद्युत ग्रिड की आधारशिला के रूप में उभरा है, जो भरोसेमंद हरित ऊर्जा उपलब्ध करवाते हुए पीक डिमांड पीरियड में ग्रिड की स्थिरता सुनिश्चित करता है। उन्होंने आगे बताया कि एनजेएचपीएस के निष्पादन को कई उल्लेखनीय उपलब्धियों द्वारा चिह्नित किया गया है। एनजेएचपीएस ने वित्तीय वर्ष 2011–12 में 7,610.257 मिलियन यूनिट का अब तक का सर्वाधिक वार्षिक विद्युत उत्पादन दर्ज किया, तत्पश्चात जुलाई 2024 में 1,222.170 मिलियन यूनिट का मासिक रिकॉर्ड उत्पादन हासिल किया गया। इसके अतिरिक्त, 13 अगस्त 2024 को 39.572 मिलियन यूनिट का अब तक का सर्वाधिक दैनिक उत्पादन दर्ज किया गया, जो इसकी अनुकूल हाइड्रोलॉजिक परिस्थितियों का सर्वोत्तम उपयोग करने की क्षमता को भी दर्शाता है। अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक), एसजेवीएन ने नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन से जुड़े सभी वर्तमान एवं पूर्व कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना ने क्षेत्र में विकास और आर्थिक प्रगति के एक नए युग का आरंभ किया है। राजीव कपूर, परियोजना प्रमुख, एनजेएचपीएस ने एसजेवीएन प्रबंधन, विद्युत मंत्रालय तथा हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान किए गए सहयोग तथा मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने में समस्त हितधारकों, कर्मचारियों, ठेकेदारों, संविदा कर्मियों तथा स्थानीय लोगों के अटूट सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया। 150 बिलियन यूनिट की यह उपलब्धि प्रमुख पर्यावरणीय महत्व भी रखती है, क्योंकि यह जीवाश्म ईंधन आधारित विद्युत उत्पादन के बड़े हिस्से के प्रतिस्थापन तथा इसके परिणामस्वरूप ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी का द्योतक है। इस प्रकार यह स्टेशन भारत के स्वच्छ ऊर्जा ट्रांज़िशन और जलवायु प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। एसजेवीएन द्वारा संचालित एनजेएचपीएस में निरंतर व्यवस्थित आधुनिकीकरण, डिजिटल निगरानी तथा उचित रखरखाव प्रक्रियाओं का लाभ मिलता रहा है। विद्युत उत्पादन के अतिरिक्त, इस परियोजना ने रोजगार सृजन और आधारभूत संरचना के विकास के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार एल.टी. लाइन के आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते 11 मार्च, 2026 को शहर के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अधिशाषी अभियंता सोलन विपुल कश्यप ने दी। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को दोपहर 12:00 बजे से सांय 05:00 बजे तक पुराना पावर हाउस मार्ग, लोक निर्माण विभाग कार्यालय, खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय, नया बस अड्डा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय तथा मॉर्डन ढाबा के आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से इस दौरान सहयोग करने की अपील की है, ताकि रखरखाव कार्य को समय पर और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
शिमला के फेडजीपुल में नियमित जांच के दौरान दो आरोपियों से 268 ग्राम चरस बरामद की गई। सोमवार को पुलिस स्टाफ फेडजीपुल में नियमित जांच के लिए नाका लगाए हुए थे। जांच के दौरान एक उत्तराखंड की स्कूटी नंबर फेडजीपुल की तरफ से आती हुई दिखाई दी। पुलिस को देखकर स्कूटी पर सवार दोनों व्यक्ति गुम्मा की तरफ भागने लगे, लेकिन पुलिस द्वारा उनका पीछा कर गुम्मा के पास दोनों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 268 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान सूरज रावत, पुत्र वीर सिंह, निवासी गांव धोतरी उडरी, तहसील डुंडा, जिला उत्तरकाशी, उत्तराखंड तथा शिवम रावत, पुत्र संतान सिंह रावत, निवासी मकान नंबर 73, गुरु रोड़, न्यू बस्ती, पटेल नगर, देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच में पाया गया कि ये दोनों आरोपी उत्तराखंड से चरस की खेप लाकर स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में थे। मामले में आगामी जांच जारी है।
एचपीयू में छात्र संगठनों के बीच पिछले दिनों से चल रहा विवाद एक बार फिर गहरा गया है। सोमवार को छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच फिर झड़प हुई। इस दौरान एक छात्र पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। इस घटना में छात्र को गंभीर चोटें आई है जिसे उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामले की सूचना मिलते ही क्यूआरटी समेत बालूगंज थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह एक बार फिर छात्र संगठनों के बीच चुनाव बढ़ गया और दो गुटों के बीच झड़प हुई। 1:30 के बीच लॉ ब्लॉक में एक बार फिर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे पर छुरी से हमला कर दिया। छात्र को फौरन उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया, वहीं पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से लॉ डिपार्टमेंट में बाहर से आने वाले लोगों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। एसएफआई जिला समिति के अध्यक्ष विवेक ने बताया कि छात्र संगठन के कार्यकर्ता पर पेट पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को एचपीयू परिसर में तैनात कर दिया गया है। इस संबंध में एक शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


















































