हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम खराब बना हुआ है। शिमला में सुबह 8.10 बजे कुछ देर के लिए तेज तूफान चला। वहीं सोलन के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग (IMD) ने आज पांच जिले- चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कुछेक स्थानों पर भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है, जबकि ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में येलो अलर्ट दिया गया है। IMD के मुताबिक- राज्य में अगले छह दिन तक बारिश के आसार हैं। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी। इस दौरान कई भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कल ज्यादा सक्रिय होने का पूर्वानुमान है। कल कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट है। 30 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। एक मई को भी ज्यादातर भागों में मौसम खराब रहेगा। 2 मई को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा, मगर तीन मई को फिर से पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। राज्य के कई हिस्सों में सूखे जैसी स्थिति पनपने लगी है। मैदानी इलाकों में दिन के समय लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। ऊना, कांगड़ा और कुल्लू जिले के भुंतर में तीन दिन से हीटवेव महसूस हो रही है। ऐसे में बारिश के बाद अगले सप्ताह गर्मी से राहत मिलेगी।
इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन ने आज क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए पराल से भोगरवां मार्ग पर दो महत्वपूर्ण पुलों का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 64 मीटर स्पैन के पुल, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 2.50 करोड़ रुपये है, तथा 30 मीटर स्पैन के पुल, जिसकी लागत लगभग 2 करोड़ रुपये है, के निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई। उन्होंने कहा कि हाल ही में आई बाढ़ के कारण कई मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इन परिस्थितियों को देखते हुए इन पुलों का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। विधायक ने कहा कि त्यौड़ा पत्तन पुल तथा ठाकुरद्वारा-मलकाना पुल को भी प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल प्रभावित क्षेत्रों में संपर्क बहाल होगा, बल्कि स्थानीय लोगों की दैनिक आवाजाही भी सुगम हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और गुणवत्ता के साथ-साथ समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि मंड-बरोटा सड़क का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है। इस सड़क के पूर्ण होने से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि बाईं इंदौरिया से मंड होते हुए पराल तक जाने वाली सड़क, जो बाढ़ के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, अब पूरी तरह दुरुस्त कर दी गई है। इस मार्ग के पुनर्निर्माण से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है और अब आवागमन पहले की तरह सुचारु रूप से शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि मिलवां से बरोटा सड़क का निर्माण कार्य लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जो लंबे समय से क्षेत्र की एक प्रमुख मांग रही है। इस अवसर पर विधायक ने प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर ओबीसी सेल के अध्यक्ष केवल कृष्ण, चिराग युवक मंडल के प्रधान सतिंदर गुलेरिया, पराल की पूर्व प्रधान परकाशो देवी,पूर्व उप प्रधान अरुण कुमार, मलकाना के पूर्व प्रधान तारा चंद, पूर्व उप प्रधान राम कुमार, लोक निर्माण विभाग के एसई महिंदर पाल धीमान, एक्सईएन दीपक महाजन, किसान मोर्चा से राजेश स्किंटू, गगन , पूर्व वार्ड सदस्य रूप लाल, सनौर के पूर्व उप प्रधान कश्मदीन तथा मलकाना से नरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इंदौरा स्थित मिनर्वा पी.जी. कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स में “21वीं सदी: अवसर और चुनौतियां” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य “सस्टेनेबल प्लेनेट” की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए 21वीं सदी में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन तथा संयुक्त राष्ट्र के 17 सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को प्राप्त करने की दिशा में अवसरों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना रहा। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. एस. के. मेहता (पूर्व कुलपति, लद्दाख विश्वविद्यालय) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. बलबीर सिंह कैथ (एनआईटी जालंधर) शामिल हुए। मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) डी. आर. ठाकुर (निदेशक, एचआरडीसी, एचपीयू शिमला) ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में सतत विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर प्रो. दीपक पठानिया (अध्यक्ष, एचएससीए), प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार (सीयूएचपी धर्मशाला), प्रो. (डॉ.) राजेश कुमार शर्मा (उपाध्यक्ष, एचएससीए, एसपीयू मंडी), डॉ. आर. के. नेगी (अध्यक्ष, बायोसाइंसेज, एचपीयू शिमला), डॉ. राकेश कुमार (सचिव, एचएससीए), डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. अशोक कुमार, प्रो. जगदीप वर्मा एवं डॉ. सरिता पठानिया सहित अनेक गणमान्य शिक्षाविदों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त डॉ. सचिन उपमन्यु, डॉ. सुनील कुमार (एचपीयू शिमला), डॉ. मनोज कुमार, डॉ. दिलजीत, डॉ. कामाक्षी लुंबा, डॉ. अरुप गिरी, डॉ. यूनिश अहमद हाजम तथा डॉ. नितेश कुमार सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षकों एवं शोधार्थियों की उपस्थिति ने सम्मेलन की गरिमा को और बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान मिनर्वा ग्रुप ऑफ कॉलेज के चीफ पैट्रन डॉ. गोपाल सक्सेना की पुस्तक “Indian Education System” का लोकार्पण किया गया, जो सम्मेलन का विशेष आकर्षण रहा। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जरनैल सिंह पटियाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज की 21वीं सदी “सस्टेनेबल प्लेनेट” की अवधारणा पर आधारित है, जहां जलवायु परिवर्तन एक गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं और ऐसे सम्मेलन विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नई दिशा प्रदान करते हैं। सम्मेलन में मेहक शर्मा (सरकारी डिग्री कॉलेज नूरपुर) और हर्ष कटोच (सरकारी सुग भटोली) को 11,000 रुपये की ‘चोफला अवार्ड’ छात्रवृत्ति प्रदान की गई। यह पुरस्कार Vele’s Food Private Limited के प्रबंध निदेशक द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने हेतु प्रदान किया जाता है। सम्मेलन के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों द्वारा शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। साथ ही मॉडल प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में रिधिमा एवं संयमदीप (सेक्रेड कैम्ब्रिज स्कूल, गनोह), संयमदीप व रिया (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाह कुलारा), शौर्य डोगरा एवं शिवांगी कटोच (प्रताप वर्ल्ड स्कूल, इंदौरा), वंश (श्री निखिलेश्वर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवोठी), शिवांगी, भूमि एवं प्रद्युमन (लोटस पब्लिक स्कूल) तथा आदर्श (पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरकाघाट) सहित अनेक विद्यार्थियों ने भाग लिया। मॉडल प्रस्तुति प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रिया (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाह कुलारा), द्वितीय स्थान वंश (श्री निखिलेश्वर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवोठी), तृतीय स्थान संयमदीप (सेक्रेड कैम्ब्रिज स्कूल, गनोह) तथा चतुर्थ स्थान शिवांगी कटोच (प्रताप वर्ल्ड स्कूल, इंदौरा) ने प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः 5000, 3000, 2000 और 1000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के विभिन्न शिक्षण एवं शोध संस्थानों जैसे बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय (रोहतक), इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जम्मू, अर्नी विश्वविद्यालय कांगड़ा, पंडित सुशील रतन राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी, आईसीएआर-आईवीआरआई पालमपुर, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला, केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू, सीयूएचपी धर्मशाला, एसपीयू मंडी, सरकारी डिग्री कॉलेज इंदौरा सहित अनेक संस्थानों के 100 से अधिक शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह दो दिवसीय सम्मेलन आगामी सत्रों में विभिन्न शोध पत्रों की प्रस्तुति और विचार-विमर्श के साथ जारी रहेगा, जिसमें देशभर से आए विशेषज्ञ अपने अनुभव और शोध के माध्यम से प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर बलाहर में सी एस यू स्पोर्ट्स इंटर्नशिप ड्राइव के अंतर्गत “हेल्थ एंड फिजिकल हेल्थ असेसमेंट” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला काआयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो श्रीनिवास बरखेड़ी के मार्गदर्शन एवं परिसर निदेशक प्रो सत्यम कुमारी के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल समन्वयन यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर बलाहर के निदेशक(प्रभार)डॉ गौतम चौधरी द्वारा किया गया। जानकारी देते हुए डॉ गौतम कुमार चौधरी ने बताया कि इस कार्यशाला में लगभग 100 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्य एवं शारीरिक फिटनेस के विभिन्न आकलन परीक्षणों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में स्पोर्ट्स प्रतिभागियों की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह कार्यशाला विद्यार्थियों व परिसर के स्टाफ में फिटनेस जागरूकता बढ़ाने एवं खेलों के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। इस अवसर पर परिसर के समस्त शिक्षक,कर्मचारी एवं छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
गम्बरपुल-बनोह सरली सड़क पर रविवार को एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक कार चंडी से जयनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। सामने से बाइक आ रही थी, जिसे बचाने के लिए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को पहाड़ की ओर मोड़ दिया। इसके बाद वाहन पहाड़ से टकराकर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में चालक अकेला सवार था। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही किसी अन्य व्यक्ति को चोट पहुंची। चालक पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर HP 14 D 0263 बताया गया है।
हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में गर्मी लोगों को पसीने छुड़ा रही है। प्रदेश भर में तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहे हैं। ऊना में पारा रिकॉर्ड 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग ने आज प्रदेश के चार जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इसमें ऊना, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिला शामिल है। इनके मैदानी इलाकों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर गर्म हवाएं चलने और तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने की सलाह दी है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 और 28 अप्रैल को प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 28 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम करवट लेगा। 28 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 29 और 30 अप्रैल को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति और ऊपरी शिमला में बारिश के साथ-साथ बर्फबारी भी हो सकती है। इस मौसमी बदलाव से तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में पंजाब पुलिस की क्राइम इन्वैस्टिगेशन एजैंसी और कुल्लू पुलिस ने एक संयुक्त ऑप्रेशन में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मणिकर्ण के पास एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक कुख्यात गैंगस्टर सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार ये आरोपी बीते वीरवार को मणिकर्ण पहुंचे थे और वहां एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। पंजाब पुलिस को इन लोगों की लोकेशन और गतिविधियों की भनक लग चुकी थी। पुलिस लगातार इन्हें ट्रैक कर रही थी। जब ये आरोपी बरशैणी से मणिकर्ण की तरफ वापस लौट रहे थे, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शिल्ला के पास इन्हें दबोच लिया। इस कार्रवाई में कुल्लू पुलिस ने पंजाब पुलिस का पूरा सहयोग किया। पुलिस द्वारा पकड़े गए लोगों में मुख्य आरोपी पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर हरप्रीत सिंह है। उसके साथ राम सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतनाम उर्फ सागर, सिकंदर, राजबिंद्र और 2 महिला साथी कोमल व तलविंदर कौर को भी हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में 20 अप्रैल को उस पर बीएनएस की धारा 109, 3(5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने एक व्यक्ति के घर पर गोलीबारी कर फिरौती के लिए डर का माहौल बनाने का प्रयास किया था। कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस और स्थानीय पुलिस के आपसी तालमेल का परिणाम है। फिलहाल, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके नैटवर्क और भविष्य की अन्य आपराधिक योजनाओं व संपर्कों के बारे में और अधिक जानकारी जुटाई जा सके।
नगरोटा बगवां से विधायक एवं पर्यटन विभाग के चेयरमैन आर.एस. बाली को धर्मशाला नगर निगम चुनावों के लिए पार्टी द्वारा इंचार्ज नियुक्त किए जाने पर युवा कांग्रेस कांगड़ा के जिला उपाध्यक्ष शुभम नागला ने हार्दिक बधाई दी है। शुभम नागला ने कहा कि आर.एस. बाली के पास संगठनात्मक अनुभव और मजबूत नेतृत्व की क्षमता है, जिसका लाभ निश्चित रूप से पार्टी को आगामी नगर निगम चुनावों में मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बाली के नेतृत्व में पार्टी धर्मशाला में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और प्रचंड जीत हासिल करेगी। उन्होंने आगे कहा कि युवा कांग्रेस पूरी तरह से पार्टी के साथ खड़ी है और चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को मजबूत करने का काम करेगी।
साई इंटरनेशनल स्कूल में पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। सभा के दौरान विद्यार्थियों के समक्ष प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए गए, जिनमें माँ पृथ्वी की देखभाल के महत्व को उजागर किया गया। कक्षा 2 एवं 3 के विद्यार्थियों ने एक सुंदर नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा। कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों ने ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ गतिविधि में भाग लेकर अपनी सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया और पुनः उपयोग व पुनर्चक्रण का महत्व बताया। वहीं कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कला के जरिए पृथ्वी के प्रति प्रेम और चिंता व्यक्त की। नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी एवं कक्षा 1 के नन्हे बच्चों ने फैंसी ड्रेस और स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर विद्यालय के चेयरमैन रामिंदर बावा और प्रधानाचार्या मीरा गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।
दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल सुनहेत में "अर्थ डे" बड़े ही हर्षो उल्लास के साथ मनाया गया। इस खास अवसर पर विद्यार्थियों के लिए रोचक और शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्रों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुंदर एवं जागरूकता फैलाने वाले पोस्टर बनाए। इसके अलावा, स्कूलों द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें बच्चों ने हाथों में तख्तियां और स्लोगन लेकर लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से स्वच्छता, पेड़-पौधों के महत्व और प्रदूषण कम करने के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों ने वृक्षारोपण भी किया और अपने स्कूल परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाए। इस दौरान प्रधानाचार्य गुंजन परमार ने विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व और प्रकृति के संरक्षण के बारे में जानकारी दी। इस प्रकार, "अर्थ डे" के अवसर पर आयोजित इन सभी गतिविधियों ने बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को मजबूत किया और सभी ने मिलकर धरती को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।
हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से ही धूप खिली हुई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिन खूब गर्मी पड़ेगी। 24 अप्रैल तक पहाड़ों पर धूप खिलने का पूर्वानुमान है। इससे कई शहरों के तापमान में दो से तीन डिग्री का उछाल आएगा, लेकिन गर्मी ज्यादा दिन तक परेशान नहीं करेगी। IMD के अनुसार 24 अप्रैल की रात को वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे 25 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिला में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 और 27 अप्रैल को भी अधिक ऊंचाई वाले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई गई है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं मंगलवार को ज्यादातर शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। ऊना का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा के साथ 38.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला का अधिकतम तापमान भी नॉर्मल से 2.9 डिग्री ज्यादा के साथ 25.4 डिग्री, सुंदरनगर का 34.3 डिग्री, भुंतर 32.0 डिग्री और धर्मशाला का 31.0 डिग्री दर्ज किया गया।
नूरपुर पुलिस जिला के अंतर्गत नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्राम पंचायत इंदपुर के पंचायत घर में नशा निवारण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम इंदौरा सुरिंदर ठाकुर ने की, जबकि एसडीपीओ इंदौरा संजीव कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राम पंचायत इंदपुर नशा निवारण समिति की अध्यक्षा अंजू कुमारी (मुख्याध्यापक, राजकीय उच्च पाठशाला इंदपुर) सहित समिति के अन्य सदस्यों और क्षेत्र के लगभग 40-50 लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी डर के आगे आकर सहयोग कर सकें। इसके अलावा, सरकार द्वारा नशा माफिया के खिलाफ सूचना देने वालों के लिए चलाई जा रही विभिन्न इनामी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। स्थानीय निवासियों ने भी नशे के उन्मूलन के लिए अपने सुझाव दिए और प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी इंदौरा ने बताया कि बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और सभी ने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन ने अपना जन्मदिन इस बार एक अलग और प्रेरणादायक अंदाज़ में मनाया। उन्होंने अपना विशेष दिन विशेष बच्चों के बीच बिताते हुए समाजसेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बच्चों के साथ केक काटा और उन्हें उपहार वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने अपने निजी खर्च से लगभग 90 बच्चों को एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही 10 जरूरतमंद लड़कियों को सिलाई मशीनें भेंट की गईं, जबकि 2 युवा क्लबों को क्रिकेट किट भी दी गई। विधायक मलेंद्र राजन ने इस मौके पर बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग की सेवा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले तीन महीनों में विशेष बच्चों के लिए फिजियोथेरेपी कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी विधायक का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनकी इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दविंदर मनकोटिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता कटोच, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विजेंद्र पठानिया, एससी सेल अध्यक्ष राजकुमार, ओबीसी सेल अध्यक्ष केवल कृष्ण, पूर्व जिला परिषद सदस्य परवीन कुमार, वजिंदर कंवर, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, बीईपीओ किरण बाला तथा हैंडीकैप्ड एसोसिएशन के प्रधान तरसेम सहित कई लोग उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देते हुए कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष विवेक कुमार मिंका ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विवेक शर्मा विक्कू से भेंट कर अपनी नियुक्ति के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विवेक शर्मा ने नव-नियुक्त अध्यक्ष को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता का सम्मान और सत्कार सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित स्थान दिया जाएगा, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन बेहतर हो सके।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में सोमवार को पंचायत चुनाव के आरक्षण रोस्टर को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई होगी। राज्य के सभी डीसी ने बीते सात अप्रैल को आरक्षण रोस्टर जारी किया था। इसे कुछ लोगों ने याचिका दायर कर हाईकोर्ट में चुनौती दी है। आरोप है कि आरक्षण रोस्टर लागू करने के नियमों की अनदेखी की गई। इस तरह की एक नहीं, बल्कि कई याचिकाएं हाईकोर्ट में दायर की गई हैं। इन सभी को आज कोर्ट सुनेगा। इससे पहले हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और स्टेट इलेक्शन कमीशन को नोटिस भेजकर जवाब मांग रखा है। सरकार और इलेक्शन कमीशन भी सोमवार को अपना जवाब कोर्ट में दायर करेंगे। यह मामला जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर और जस्टिस रंजन शर्मा की बेंच में लगेगा। याचिकाओं में आरोप है कि कई स्थानों पर जनसंख्या के वास्तविक आंकड़ों को नजरअंदाज करते हुए सीटों को आरक्षित किया गया, जिससे रोस्टर में गलत बदलाव हुआ है। ऐसे में सबकी नजरें हाईकोर्ट के फैसले पर टिक गई हैं, क्योंकि एक पंचायत का रोस्टर बदलने से उस ब्लॉक की दूसरी पंचायतों के रोस्टर में भी बदलाव की संभावना रहती है। वहीं स्टेट इलेक्शन कमीशन पंचायत और नगर निकाय चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर चुका है। कभी भी चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने 31 मई से पहले हर हाल में चुनाव कराने के आदेश दे रखे हैं। राज्य की 3757 पंचायतों और 73 नगर निकायों में मतदान होना है। इनमें चार निगम (सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर) के चुनाव भी शामिल हैं। ये बड़े चुनाव हैं, क्योंकि नगर निगम के चुनाव पार्टी चिन्ह पर होने हैं। ऐसे में मामला हाईकोर्ट पहुंचने से उन लोगों को आरक्षण रोस्टर में बदलाव की उम्मीद जगी है, जिनके अपने वार्ड-पंचायत आरक्षित हो गए हैं।
हिमाचल प्रदेश में जल्द मौसम बदलने वाला है। प्रदेश में इस सप्ताह में गर्मी में इजाफा होगा। राज्य के ज्यादातर शहरों के अधिकतम तापमान में अगले तीन दिनों के दौरान दो से तीन डिग्री सेल्सियस का उछाल आएगा। रविवार को भी राज्य के 8 शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। ऊना का तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है और इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह, बरठी का तापमान 34.6 डिग्री और सोलन का 31.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। सामान्य की तुलना में सबसे ज्यादा 3.9 डिग्री का उछाल शिमला के अधिकतम तापमान में दर्ज किया गया है। इसके बाद शिमला का पारा 25.6 डिग्री हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के अधिक ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि अन्य भागों में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और 23 अप्रैल तक धूप खिलेगी। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के 24 अप्रैल को फिर से एक्टिव होने के आसार हैं। इससे अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
शिमला पुलिस ने अवैध देवदार लकड़ी की बड़ी खेप पकड़ी है। चोपल थाना पुलिस ने सराहन बाजार के पास एक ट्रक से बिना परमिट के 50 देवदार के लट्ठे जब्त किए हैं। इस मामले में ट्रक चालक और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत 2.30 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 बजे की गई। चोपल थाना की टीम नियमित गश्त पर थी, तभी सराहन बाजार के पास टाटा 710 ट्रक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में देवदार के 50 लट्ठे लदे हुए पाए गए, जिनके लिए कोई वैध परमिट नहीं था। ट्रक चालक की पहचान श्याम लाल (50 वर्ष), पुत्र दुने चंद, निवासी सराहन, तहसील चोपल, जिला शिमला के रूप में हुई है। उसके सहयोगी राहुल (29 वर्ष), पुत्र निका राम, निवासी सराहन, तहसील चोपल, जिला शिमला भी मौके पर लकड़ी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर मौजूद वन रक्षक ने जब्त लकड़ी का मापन किया। कुल 2.923 घन मीटर लकड़ी पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,30,000 रुपये है। नियमानुसार, इस लकड़ी को सील कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। जब्त किए गए ट्रक, लकड़ी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य संबंधित दस्तावेज वन विभाग को सौंप दिए गए हैं। इस संबंध में थाना चोपल, जिला शिमला में भारतीय न्याय सहिंता व भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच चोपल पुलिस कर रही है।
सोलन में ‘चेस्टर हिल्स’ प्रोजेक्ट को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब इसके संचालक हंसराज ठाकुर ने सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट को लेकर सामने आ रही कुछ जानकारियां तथ्यों पर आधारित नहीं हैं और इससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। ठाकुर के अनुसार, ‘चेस्टर हिल्स-2’ और ‘4’ एक वैध आवासीय परियोजना है, जिसे सभी आवश्यक प्रक्रियाओं और अनुमतियों के तहत विकसित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रोजेक्ट की लागत को लेकर जो बड़े आंकड़े सार्वजनिक रूप से चर्चा में हैं, वे वास्तविकता से मेल नहीं खाते। उनके अनुसार, परियोजना की अनुमानित लागत लगभग ₹150 करोड़ है। हंसराज ठाकुर ने बताया कि यह प्रोजेक्ट वर्षों की मेहनत, बैंक ऋण और निजी निवेश के माध्यम से आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास RERA, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, नगर निगम सोलन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित संबंधित विभागों की आवश्यक मंजूरियां मौजूद हैं। इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है, वहीं परियोजना से जुड़े कुछ खरीदारों और परिवारों की ओर से भी स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। ठाकुर ने आग्रह किया है कि मामले को लेकर सभी पक्ष तथ्यों के आधार पर स्थिति देखें और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरी जानकारी का संज्ञान लिया जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।आपको बता दें कि यह मामला उपायुक्त सोलन के पास है और जांच की जा रही हैं ।
शिमला जिला के थाना जुब्बल में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले में पुलिस को एक और सफलता हासिल हुई है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा जांच के दौरान बैकवर्ड लिंकेज स्थापित करते हुए पुलिस ने तरुण ठाकुर (उम्र 33 वर्ष) नामक आरोपी को धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपी तरुण ठाकुर गांव चोगटाली, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर का रहने वाला है और वर्तमान में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रोहड़ू शाखा में लोन मैनेजर/फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। पुलिस जांच में पता चला कि वह मादक पदार्थ चिट्टा/हेरोइन की खरीद-फरोख्त में संलिप्त था। उसका सीधा संपर्क पंजाब के अमृतसर निवासी मुख्य सप्लायर लुकास उर्फ लकी से था। दोनों के बीच ऑनलाइन माध्यम से वित्तीय लेन-देन भी हुए। दरअसल, 9 फरवरी 2026 को थाना जुब्बल पुलिस ने एक स्थानीय महिला आरोपी को 13.46 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। यहीं से मामले की जांच शुरू हुई। जिसके बाद 17 मार्च 2026 बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर मुख्य सप्लायर लुकास उर्फ लकी (अमृतसर, पंजाब) को गिरफ्तार किया गया और 6 अप्रैल 2026 फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर तीन अन्य आरोपियों आशीष उर्फ गांधी, मनोज ठाकुर उर्फ सनी और खुशी राम उर्फ कुश को भी गिरफ्तार किया गया। अब 16 अप्रैल 2026 को तरुण ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। इस संगठित चिट्टा तस्करी नेटवर्क में कुल 6 आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच में एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें पंजाब से सप्लाई, हिमाचल में वितरण और ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन की स्पष्ट कड़ियां मिली हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क ध्वस्त हो गया है। एसएसपी शिमला ने इस सफलता पर पुलिस टीम की सराहना की और कहा कि नशे के खिलाफ अभियान पूर्ण रूप से जारी रहेगा। आरोपी तरुण ठाकुर को आज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर से करवट बदलने वाला है। आज सुबह से ही प्रदेश के ज्यादातर भागों में आज सुबह से ही मौसम खराब है। मौसम विभाग ने 4 जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में शुक्रवार को भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। इन जिलों में कुछेक स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ आंधी-तूफान चलने का भी पूर्वानुमान है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और चंबा जिलों में येलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर 20 अप्रैल तक रहेगा। शनिवार और रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व शिमला जिलों में ओलावृष्टि-तूफान का येलो अलर्ट दिया गया है। 19 अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर से एक्टिव होगा। इस दिन अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में तेज बारिश और आंधी चलने का पूर्वानुमान है। 20 अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ेगा। इस दिन अधिक ऊंचे इलाकों में ही मौसम खराब रहेगा। 21 अप्रैल से मौसम साफ हो जाएगा। इस दौरान लाहौल स्पीति, किन्नौर और चंबा के ऊंचे पहाड़ों पर हल्का हिमपात भी देखने को मिल सकता है, जबकि निचले व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बारिश होगी। इससे तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी। वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने सेब बागवानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं, क्योंकि प्रदेश में इन दिनों सेब की फ्लावरिंग चल रही है। फ्लावरिंग के दौरान मौसम का साफ रहना जरूरी होता है। बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि नुकसानदायक होती है। राज्य के कई क्षेत्रों में पहले ही ओलावृष्टि के कारण सेब की फसल को भारी नुकसान हो चुका है।
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में कैबिनेट मीटिंग होगी। पंचायत और नगर निकाय चुनावों से पहले हो रही इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मौजूदा वित्त वर्ष का बजट पारित होने के बाद यह पहली कैबिनेट मीटिंग है। पंचायत चुनाव के दृष्टिगत कैबिनेट में आम जनता को लाभ पहुंचाने से जुड़े फैसले लिए जा सकते हैं, क्योंकि 20 अप्रैल के बाद राज्य में कभी चुनाव आचार संहित लग सकती है। साथ ही कैबिनेट में शिमला से तारादेवी तक प्रस्तावित 13.79 किलोमीटर लंबे रोपवे प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा हो सकती है। 1734 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना की लागत अब बढ़कर 2296 करोड़ रुपए हो चुकी है। केंद्र सरकार और नेशनल डेवलपमेंट बैंक से लागत बढ़ोतरी को मंजूरी मिलने के बाद अब कैबिनेट में इसके क्रियान्वयन की रणनीति और चरणबद्ध योजना पर फैसला लिया जा सकता है। वही कैबिनेट में विभिन्न विभागों में भर्तियों को लेकर भी मंजूरी मिल सकती है। खासकर, स्वास्थ्य और वन विभाग में नई भर्तियों के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। सीएम की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट मीटिंग में 50 से कम एनरोलमेंट वाले 11 कॉलेज और पांच से कम छात्र संख्या वाले 108 स्कूलों को साथ लगती पाठशाला में मर्ज करने का फैसला भी हो सकता है। इससे पहले शिक्षा विभाग कैबिनेट में प्रेजेंटेशन देगा।
विधायक मलेंद्र राजन ने वीरवार को ग्राम पंचायत मंड मियानी में “आपका विधायक आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत पंचायत वासियों से जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा विकास कार्यों को गति देना है। इसी के तहत वे स्वयं पंचायतों में जाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में आई बाढ़ से क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ था, जिसे सरकार के समक्ष उठाया गया है। बाईं इंदौरिया से मंड होते हुए पराल तक जाने वाली सड़क, जो बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी, अब दुरुस्त कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि बाढ़ के कारण बह गए रास्तों की बहाली के लिए शीघ्र ही दो नए पुलों का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें पराल से भोगरवां मार्ग पर 64 मीटर स्पैन का पुल लगभग 2.25 करोड़ रुपये तथा 30 मीटर स्पैन का पुल लगभग 1.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। त्यौड़ा पत्तन पुल तथा ठाकुरद्वारा- मलकाना पुल को प्राथमिकता में रखा गया है। वहीं मंड-बरोटा सड़क का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है और शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। विधायक ने बताया कि खड्ड किनारे सुरक्षा दीवार (धुस्सी) निर्माण की मांग को ध्यान में रखते हुए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए सरकार को भेजी गई है, ताकि भविष्य में रिहायशी क्षेत्रों को बाढ़ से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बस सुविधा की मांग को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा तथा 5 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा गया है। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देते हुए गेहूं, मक्की और हल्दी के समर्थन मूल्य को क्रमशः 80 रुपये,50 रुपये और 150 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है, जबकि अदरक की खरीद भी 30 रुपये के समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही पशुपालन को प्रोत्साहित करते हुए भैंस व गाय के दूध के समर्थन मूल्य को 71 रुपये व 61 रुपये निर्धारित किए गए हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि ढगवार में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए डमटाल स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर व बीडीओ कार्यालय में दुकानों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर सहित अन्य सभी जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए “व्यवस्था परिवर्तन” के ध्येय के तहत सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व प्रधान कश्मदीन, दिनेश शर्मा, पूर्व उपप्रधान शेर अली, पूर्व प्रधान बसंतपुर कुलदीप सिंह, लक्ष्मण दास, हनीफा बीबी, गोल्डी, लाल चंद, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एसडीओ विद्युत शंकर दयाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
धर्मशाला के रक्कड़ क्षेत्र में नवजीवन फाउंडेशन एनजीओ द्वारा देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी का जन्मदिन सामाजिक सेवा, सहयोग और मानवता के संदेश के साथ बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस आयोजन में स्थानीय लोगों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक ने युवाओं को टी-शर्ट्स भेंट कर अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और सेवा भाव को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का आयोजन नवजीवन फाउंडेशन की अध्यक्षा शकुन के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि संस्था समाज के हर वर्ग के लिए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे। अन्नपूर्णा सेवा के अंतर्गत सभी के लिए पारंपरिक भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सराह गौशाला में सभी पशुओं के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई, जिससे गौ सेवा का भी संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त, दाड़ी क्षेत्र में वृद्धाश्रम के वृद्धजनों को फल वितरित किए गए तथा उनकी मांग के अनुसार उनके लिए आरामदायक झूले एवं फ्लाई ट्रैप लगाने की घोषणा भी की गई, जिससे उन्हें बेहतर सुविधा और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
हिमाचल प्रदेश में सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सक्षम (Saksham) संगठन के जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल प्रांत के प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल में अभय परगल (राष्ट्रीय सह सचिव सक्षम,भारत) तथा स्वामी विश्वनाथन क्षेत्र संगठन मंत्री सक्षम प्रचारक आर.एस.एस, रूप से शामिल रहे और अजय परगाल सक्षम के प्रांत कार्यकरणी सदस्य उनके साथ सक्षम हिमाचल के उपाध्यक्ष प्रो.डॉ. महेंद्र सिंह आशावत भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सक्षम संगठन के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से दिव्यांगजनों की क्षमताओं को विकसित करने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं और पहलों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव रखा कि राज्य स्तर पर समन्वित प्रयासों के माध्यम से दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु नई योजनाएं लागू की जाएं, जिससे उन्हें अधिक से अधिक सहायता और अवसर मिल सकें।
वन विभाग की टीम ने मंगलवार को वन परिक्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत चल रही एक क्षेत्र आरा मशीन इकाई का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद के नेतृत्व में गई विभिन्न बीट्स के वन रक्षकों व वन मित्रों की टीम द्वारा आज लगभग 11:30 बजे अमल में लाई गई। वन मंडल अधिकारी नूरपुर संदीप कोहली ने बताया कि आर.ओ. इंदौरा अपनी विभागीय टीम सहित क्षेत्र में वन कटान की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु गुप्त अभियान पर थे, इस दौरान उन्होंने केवल सिंह पुत्र वकील सिंह, निवासी गाँव व डाकघर बरंडा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा द्वारा संचालित आरा मशीन ईकाई पर छापा मारा। इस औचक निरीक्षण के दौरान उपरोक्त व्यक्ति की आरा मशीन पर पड़ी लकड़ी से संबंधित दस्तावेज़ पेश करने के लिए कहा गया। इस दौरान वहाँ पाई गई लकड़ी व आरा मशीन रजिस्टर की जाँच करने पर कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि आरा मशीन पर पाई गई लकड़ी का विवरण आरा मशीन रजिस्टर में नहीं पाया गया। यही नहीं आरा मशीन पर पाई गई लकड़ी पर किसी भी तरह का विभागीय टंकण अथवा हैमरिंग नहीं पाई गई। मौका पर आम के 17, जामुन के 8, शीशम के 16, तमन के 10, सफेदा के 41, तुनी के 3, बहेड़ा के 58, क्रैंबल का 1, लसूनी के 15, सीरस के 7 व सागवान के 13 मौच्छों सहित 189 मौच्छे पाए गए, जिनका विवरण आरा मशीन रजिस्टर में नहीं पाया गया। जिस पर उक्त आरा मशीन, आरा मशीन ट्रॉली व उक्त लकड़ी को अनिश्चितकाल तक के लिए सीज कर दिया गया।
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल पुलिस ने कुमारसेन अफीम मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो चाय की दुकान की आड़ में नशे का कारोबार कर रही थी। बता दें कि हाल ही में कुमारसेन पुलिस ने 9.28 किलोग्राम अफीम बरामद की थी। इस मामले की गहराई से जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सोलन जिले के कंडाघाट पहुंची। वहां "लक्ष्मी टी स्टॉल" चलाने वाली 46 वर्षीय लक्ष्मी को हिरासत में लिया गया। लक्ष्मी मूल रूप से नेपाल के लमजुंग जिले की रहने वाली है। पुलिस की जांच में यह सामने आया कि लक्ष्मी एक संगठित ड्रग नेटवर्क का हिस्सा थी। वह पहले पकड़े गए तस्करों को अफीम सप्लाई करती थी और उनकी मुख्य होलसेल डीलर थी। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 2.039 किलोग्राम अफीम भी बरामद की है। इस पूरे मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। और कुल 11.5 किलोग्राम अफीम जब्त की गई है। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशे के अवैध नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस की जांच लगातार जारी है।
शिमला जिला के ठियोग क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना ठियोग पुलिस ने 8.340 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को एक विश्वसनीय स्रोत से सूचना प्राप्त हुई कि ठियोग के पास एक स्विफ्ट डिज़ायर गाड़ी सड़क किनारे खड़ी है, जिसमें कुलदीप वर्मा निवासी गांव नलेहा, तहसील ठियोग, चिट्टा/हेरोइन की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। इस मामले में थाना ठियोग में अभियोग संख्या 48/2026, दिनांक 12 अप्रैल 2026 को धारा 21 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 16 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
ब्लॉक कांग्रेस इंदौरा के निवर्तमान अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी अब मेलों और त्यौहारों जैसे सांस्कृतिक आयोजनों का भी राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा विभाजन की राजनीति करती आई है और अब उसका स्तर इतना गिर गया है कि वह सांस्कृतिक मंचों का भी इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है। मनकोटिया ने यह बयान इंदौरा में बैसाखी पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंत्री राकेश पठानिया और पूर्व विधायक रीता धीमान द्वारा इंदौरा के विधायक पर की गई कथित टिप्पणियों के जवाब में दिया। उन्होंने कहा कि इंदौरा के विधायक ने हमेशा मेलों और त्योहारों को सांस्कृतिक विरासत के रूप में देखा है। इसी सोच के तहत उन्होंने इंदौरा उत्सव की शुरुआत कर उसे जिला स्तरीय उत्सव का दर्जा दिलाया। इसके अलावा श्री क्यालू बाबा छिंज मेला गंगथ को भी जिला स्तर तक पहुंचाया गया। मनकोटिया ने भाजपा नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कहना कि विधायक ने बैसाखी कार्यक्रम में बाधा डाली, पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि विधायक मलेंद्र राजन उस समय पार्टी के कार्यों के चलते क्षेत्र में मौजूद नहीं थे, जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों को भी है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार इंदौरा में आयोजित बैसाखी कार्यक्रम सांस्कृतिक और जनसमर्पित होने की बजाय भाजपा का कार्यक्रम बनकर रह गया। मनकोटिया ने आयोजकों से अपील की कि सामाजिक समरसता के ऐसे आयोजनों को राजनीति का अखाड़ा बनाने के बजाय प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से आयोजित किया जाना चाहिए।
शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.17 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया और बाद में जांच के दौरान मुख्य सप्लायर को भी पकड़ लिया। यह मामला एफआईआर नंबर 26/26 दिनांक 15 मार्च 2026, धारा 21-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना रोहडू में दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, 15 मार्च को पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 9.17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सार्थक (29) निवासी गांव समाला, तहसील रोहडू, जिला शिमला के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल फोन और टेलीकॉम रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि रोहडू और चिड़गांव क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का एक संगठित गिरोह सक्रिय है। तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर इस गिरोह के मुख्य संचालक के रूप में अमित गुप्ता (30), निवासी जिला बाराबांकी (उत्तर प्रदेश) की पहचान हुई। बताया गया कि आरोपी लखनऊ से नेटवर्क संचालित करते हुए स्थानीय युवकों के माध्यम से ‘लोकेशन बेस्ड डिलीवरी’ के जरिए नशे की सप्लाई करता था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लखनऊ भेजी गई, लेकिन वह वहां से फरार हो गया। इसके बाद लगातार प्रयास करते हुए पुलिस ने 11 अप्रैल 2026 को उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर 14 अप्रैल 2026 तक का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।
सोमवार को दयानंद आदर्श विद्यालय के प्रांगण में कैप्टन इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मंत्र उच्चारण के साथ हुई। विद्यालय की प्रधानाचार्य उषा मित्तल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर विद्यालय के हेड बॉय सुहान और हेड गर्ल रक्षिता ठाकुर बनीं, जबकि अक्षरा वर्मा को वाइस कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई। विद्यालय के चारों सदनों में भी कैप्टन और प्रीफेक्ट नियुक्त किए गए विरजानंद सदन की कैप्टन राशि और वंश राठौर प्रीफेक्ट बने, दयानंद सदन की कैप्टन नंदिनी शर्मा और देव भारद्वाज प्रीफेक्ट बने, श्रद्धानंद सदन की कैप्टन रिद्धिमा वर्धन और कार्तिकेय सूद प्रीफेक्ट बने, वहीं विवेकानंद सदन की कैप्टन तानिया शर्मा और हर्ष कश्यप प्रीफेक्ट बने। स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में सुजल ठाकुर और परमिता ठाकुर को नियुक्त किया गया, जबकि असिस्टेंट स्पोर्ट्स कैप्टन का दायित्व भी उन्हें सौंपा गया। हेड ऑफ वॉलंटियर्स के रूप में यश वर्मा और शुभम छेत्री को जिम्मेदारी मिली। स्कूल पुलिस की जिम्मेदारी याशिका भारद्वाज और इको क्लब कैप्टन सुहानी बनीं। प्रधानाचार्य उषा मित्तल ने सभी चयनित छात्रों को सैशेज और बैज पहनाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। हेड बॉय और हेड गर्ल के नेतृत्व में परेड का आयोजन किया गया तथा स्पोर्ट्स प्रभारी बीना कौशिक, जगदीश और सुश्री निशा की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। सभी विद्यार्थियों ने अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन कनन भंडारी और हरजीत ठाकुर द्वारा किया गया। अंत में मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया और कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।
हिमाचल के मंडी जिले से एक रूहानी और विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जहां सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र में एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में दबोच लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय छात्रा सिया (पुत्री जोगिंदर सिंह) हर रोज की तरह सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। जब वह नैण गांव के पास पहुंची, तो बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उसे रास्ते में रोक लिया। हमलावरों ने छात्रा पर तेजधार हथियार से हमला किया और उसका गला रेत दिया। हमला इतना घातक था कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों का ग्रामीणों ने पीछा किया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से घेराबंदी की और वारदात वाली जगह से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे गोपालपुर और सरकाघाट क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश देखा जा रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की। मृतक छात्रा नैण गांव की ही रहने वाली थी और कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस जघन्य अपराध के पीछे का मुख्य कारण क्या था। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
पुलिस चौकी जरी की टीम ने डुंखरा चौक पर नाकाबंदी के दौरान एक बाइक (HP 66A-8167) को चेकिंग के लिए रोका। जांच के दौरान बाइक पर सवार जम्मू-कश्मीर के दो युवकों के कब्जे से कुल 667 ग्राम चरस/कैनाबिस बरामद की गई। इस मामले में पुलिस थाना मनिकर्ण में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद नशे के स्रोत, सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
शिमला जिला में 10 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 के बीच वीकेंड के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी आवाजाही के कारण सोलन-शिमला राष्ट्रीय मार्ग पर यातायात का वॉल्यूम उल्लेखनीय रूप से बढ़ा। इसके बावजूद जिला पुलिस की प्रभावी एवं मैदानी स्तर पर सक्रिय तैनाती के चलते पूरे मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित होता रहा। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 10 अप्रैल को लगभग 17000 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई, जिनमें करीब 7000 वाहन अन्य राज्यों से संबंधित थे। 11 अप्रैल को यह संख्या बढ़कर लगभग 19,000 हो गई, जिनमें करीब 9,000 बाहरी राज्य के वाहन शामिल रहे। वहीं 12 अप्रैल को सायं 6 बजे तक ही लगभग 11000 वाहन इस मार्ग से गुजर चुके थे, जिनमें करीब 5,500 अन्य राज्यों के वाहन थे। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिला पुलिस ने पूर्व योजना के तहत विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया। सभी गजेटेड अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड में मौजूद रहे, जबकि संबंधित थाना प्रभारियों (SHOs) ने स्वयं सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई तथा निरंतर निगरानी सुनिश्चित की गई। पुलिस की सतर्कता के कारण पूरे वीकेंड के दौरान कहीं भी लंबा जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई, जिससे आम जनता और पर्यटकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकी। शिमला पुलिस यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आप सभी के सहयोग की आभारी है।
हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कॉलेज जा रही 19 वर्षीय युवती की अज्ञात हमलावरों ने गला काटकर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इस हत्याकांड को दो बाइक सवार युवकों ने अंजाम दिया, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही सरकाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का पता आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। एसपी मंडी विनोद कुमार के अनुसार, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के कसौली की हेरिटेज मार्केट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कई दुकानें जलकर राख हो गईं। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब 3:30 बजे लगी। शुरुआती अंदेशे के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस हादसे में करीब 12 से 14 गैस सिलेंडर फटने की भी सूचना है, जिससे आग और भड़क गई। अब तक लगभग सात दुकानें पूरी तरह जल चुकी हैं। इनमें मोमोज, खिलौने, कपड़ों की दुकानें और एक कैफे शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि आग की शुरुआत इसी कैफे से हुई। प्रशासन की ओर से एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह और धर्मपुर के एसएचओ मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
पुलिस थाना सैंज की टीम ने पागल नाला के समीप सैंज–लारजी सड़क पर नाकाबंदी के दौरान एक एचआरटीसी बस को चेकिंग के लिए रोका। जांच के दौरान बस में सवार बकशाहल निवासी एक महिला के कब्जे से कुल 2 किलो 35 ग्राम चरस और 56 ग्राम अफीम बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस थाना सैंज में आरोपी महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 18 और 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी महिला से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
“मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है” के मूल मंत्र को अपनाते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाथू टिप्परी में 1996 बैच के दसवीं कक्षा के पूर्व छात्रों द्वारा पांचवें रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में 70 से अधिक रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर की विशेष बात यह रही कि नारी शक्ति ने भी इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। कुल 6 महिलाओं ने रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया। इस आयोजन में प्रमुख रूप से राकेश कुमार, चमेल सिंह, अनिल कुमार, संजय कुमार, आशीष कुमार, विजय कुमार, सुशील कुमार एवं रविंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए मानवता की सेवा में उनके योगदान की सराहना की। शिविर में कांगड़ा से आए बुद्ध ट्रस्ट के सदस्यों का भी विशेष सहयोग रहा, जिनके प्रति आयोजकों ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। यह रक्तदान शिविर समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया गया।
मुबारिकपुर-भरवाई रोड पर रविवार को एक सड़क दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। गनीमत यह रही कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस धर्मशाला से होशियारपुर की ओर जा रही थी। जब बस सिद्ध चलेहड़ मार्ग पर पहुँची, तो अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। इसी दौरान अनियंत्रित बस ने श्रद्धालुओं की खड़ी एक गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए बस को पास की पहाड़ी से टकराकर रोक दिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी होने से बच गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। पहाड़ी से जोरदार टक्कर के कारण बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल अंब पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई और मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जिला शिमला पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर-राज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया है। पुलिस ने 34.440 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद कर मुख्य आरोपियों सहित नेटवर्क के अन्य सदस्य को भी गिरफ्तार किया है। थाना ठियोग की पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। उन्हें सूचना मिली कि मतियाना क्षेत्र में एक बोलेरो कैंपर में कुछ व्यक्ति मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। आरोपियों कि पहचान चांद प्रकाश पुत्र हरी सिंह, निवासी गांव दरमोह, डा0 खरगा, तह0 निरमंड, जिला कुल्लू, हि.प्र., उम्र 32 वर्ष, विजय कुमार पुत्र राम चंद, निवासी गांव न्यूकुंडर, डा0 सुघा, तह0 निरमंड, जिला कुल्लू, हि.प्र., उम्र 23 वर्ष अभिषेक पुत्र किशोरी लाल, निवासी गांव दांसा, डा0 खमाड़ी, तह0 ननखड़ी, जिला शिमला, हि.प्र., उम्र 24 वर्ष, कैलाश पुत्र हरी सिंह, निवासी गांव दरमोह, डा0 खरगा, तह0 निरमंड, जिला कुल्लू, हि.प्र., उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई। मामले की आगामी जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास, तकनीकी विश्लेषण एवं गहन पूछताछ के आधार पर बैकवर्ड लिंकज की जांच कर उनका पता लगाया गया, जिसके फलस्वरूप चिट्टे की इस खेप के सप्लायर आरोपी शिवदेव सिंह पुत्र मिठू सिंह, निवासी गांव बछौंआ, तह0 व जिला मानसा, पंजाब, उम्र 30 वर्ष को भी आज गिरफ्तार किया गया है। उक्त आरोपी को शिमला पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा पंजाब के मानसा जिला से गिरफ्तार कर ठियोग लाया गया है। जहां इसे माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने की कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कथोग स्थित लॉरेट फार्मेसी संस्थान के छात्रों का राष्ट्रीय स्तरीय जीपैट परीक्षा 2026 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। यह राष्ट्रीय स्तरीय जीपैट परीक्षा हर साल फार्मेसी में मास्टर स्तर के कोर्स तथा डॉक्टरेट में दाखिला लेने के लिए भारत की आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाती है। संस्थान के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. एम. एस. आशावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साल संस्थान के चार छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तरीय जीपैट परीक्षा 2026 की मेरिट सूची में शामिल हुए, जिनमें नैनिका चिब, अनुराग धीमान, कोमल कुमारी और निशांत ने मेरिट में स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। छात्रों की इस कामयाबी से लॉरेट संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. रण सिंह ने छात्रों का उत्साह बढ़ाने के लिए संस्थान की ओर से प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न विभागाध्यक्षों में प्रो. डॉ. विनय पंडित, प्रो. डॉ. सीपीएस वर्मा, प्रो. डॉ. अमरदीप, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. शिव कुमार और सभी शिक्षकों ने चयनित छात्रों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस राष्ट्रीय स्तरीय जीपैट परीक्षा के आधार पर छात्र-छात्राओं को मास्टर डिग्री कोर्स तथा फार्मेसी में डॉक्टरेट के लिए फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा 2,98,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
सलूणी-हिमगिरी मार्ग पर लडेर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। यह हादसा वीरवार देर रात का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे ट्रक को दुर्घटनाग्रस्त हालत में देखा तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। मृतक की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रक चनेड़ क्षेत्र से संबंधित है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक दुर्घटना में चालक की मौत की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए अभियान के तहत दो युवकों को 262 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार (20 वर्ष), पुत्र कृष्ण लाल, निवासी गांव लाहड़ डक्करा, तहसील सिहुंता, जिला चंबा तथा शिवानी (24 वर्ष), निवासी गांव समलेह, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा को कच्ची मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 262 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। इसकी पुष्टि एस पी कांगड़ा अशोक रत्न ने की है।
जिला ऊना में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में ढाबे की आड़ में चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिलाओं को बाहरी राज्यों से रोजगार दिलाने के बहाने ऊना लाया जाता था और बाद में उन्हें इस अवैध गतिविधि में धकेला जाता था। बताया जा रहा है कि एसआईयू ऊना के प्रभारी सुनील कुमार को वीरवार को गुप्त सूचना मिली थी कि ऊना-बंगाणा मार्ग पर स्थित एक ढाबे में देह व्यापार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। जांच में सामने आया कि ढाबा संचालक चरणजीत सिंह अपने सहयोगियों राम पाल और राजू के साथ मिलकर इस नेटवर्क को चला रहा था। पुलिस के अनुसार, ये लोग महिलाओं को बहला-फुसलाकर ऊना लाते थे और फिर उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर करते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों चरणजीत सिंह (लोअर अरनियाला), राम पाल (गोंदपुर बनेहड़ा) और राजू (गुरदासपुर, पंजाब) को हिरासत में लिया है। मौके से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया और तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शूलिनी विश्वविद्यालय में इंडोर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का सफल समापन हुआ, जिसमें विभिन्न खेलों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चैंपियनशिप में टेबल टेनिस, बैडमिंटन और शतरंज सहित कई इंडोर खेलों का आयोजन किया गया। छात्रों ने प्रतियोगिता के दौरान असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का प्रदर्शन किया, जिससे यह आयोजन प्रतिस्पर्धी और मनोरंजक बना रहा। शतरंज में अभिषेक कुमार झा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विनम्र सिंह गांधी उपविजेता रहे। टेबल टेनिस के लड़कों के एकल वर्ग में अभिषेक विजेता रहे, वहीं रिजुल दूसरे स्थान पर रहे। लड़कों के युगल में रिजुल और मृदुल ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अभिषेक और सूरज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन स्पर्धाओं में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। महिलाओं के एकल वर्ग में मृगना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि निमिषा उपविजेता रहीं। पुरुष एकल में अनिमीष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, उसके बाद दीपांश दूसरे स्थान पर रहे। महिला युगल में मृगना और अनुष्का की जोड़ी चैंपियन बनी, जबकि श्रीजल और दिव्यांश उपविजेता रहीं। पुरुष युगल में वंश और दीपांश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अनिमीष और रोहनीत उपविजेता रहे। मिश्रित युगल में आदित्य और मृगना ने चैंपियनशिप जीती, जबकि कुणाल और सुहाना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण समारोह में शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी. के. खोसला ने विजेताओं को सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। सभा को संबोधित करते हुए प्रोफेसर खोसला ने अनुशासन, टीम वर्क और समग्र व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने में खेलों के महत्व पर जोर दिया और छात्रों को ऐसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। खेल विभाग द्वारा 3 अप्रैल से 7 अप्रैल तक आयोजित, यह कार्यक्रम प्रोफेसर नीरज गंडोत्रा, एसोसिएट डीन, छात्र कल्याण के मार्गदर्शन में संचालित किया गया, जिन्होंने छात्रों को अकादमिक गतिविधियों और खेलों में सक्रिय भागीदारी के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान, पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) में 10 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। “हिमालय से जैव-अर्थव्यवस्था: प्रयोगशालाओं, भूमि और उद्योग को जोड़ना” विषय पर आधारित इस कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना है। संस्थान के अनुसार, कार्यशाला में किसानों, विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और उद्योगपतियों को एक साथ लाकर विचार-विमर्श और सहयोग के नए अवसर विकसित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में 150 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों के लिए संस्थान का प्रयोगशाला भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही संस्थान द्वारा विकसित जैव-आधारित प्रौद्योगिकियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे प्रतिभागियों को नवीन अनुसंधान और तकनीकों की जानकारी मिल सकेगी।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंदरोल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए भारी लैंडस्लाइड से “व्यू इन बाय रिवरसाइड” होटल का एक हिस्सा ताश के पत्तों की तरह ढह गया। हादसे के बाद होटल का कुछ भाग हवा में लटका हुआ है, जबकि एहतियात के तौर पर सुरक्षित हिस्से को खाली करवा दिया गया है। इस भूस्खलन के चलते पास स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) भवन पर भी खतरा मंडराने लगा है। होटल के निचले हिस्से में ब्यास नदी के साथ मिट्टी का लगातार खिसकना जारी है, जिससे स्कूल के छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदरोल में इसी स्थान पर वर्ष 2023 में भी लैंडस्लाइड हुआ था, जिसके बाद से भूमि कटाव लगातार जारी है। पहले खतरा केवल होटल तक सीमित माना जा रहा था, लेकिन अब सरकारी भवन भी इसकी जद में आने लगे हैं। समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए ब्यास नदी किनारे हो रहे कथित अवैध खनन को जिम्मेदार ठहराया है। स्थानीय निवासी इशांत महंत, मदन कटोच और सतपाल ठाकुर का आरोप है कि खनन माफिया द्वारा नदी तल में छेड़छाड़ किए जाने से पहाड़ की नींव कमजोर हो गई, जिसके चलते यह भूस्खलन हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अब हालात यह हैं कि क्षेत्र के रिहायशी मकानों में भी दरारें पड़ने लगी हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन पर तुरंत पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और प्रभावित क्षेत्र में युद्ध स्तर पर सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
मंडी जिले में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न ढाबों और होटलों पर छापेमारी कर 50 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। पवन कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग अब तक 400 से अधिक स्थानों का निरीक्षण कर चुका है। जब्त किए गए सिलेंडरों में धर्मपुर क्षेत्र से 3, गोपालपुर ब्लॉक से सर्वाधिक 34, सुंदरनगर से 2 और मंडी अर्बन व सदर क्षेत्र से 11 सिलेंडर शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है, जिससे आम उपभोक्ताओं की आपूर्ति प्रभावित होती है। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई ढाबा और होटल संचालक घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे न केवल नियमों की अनदेखी हो रही है बल्कि सुरक्षा मानकों से भी समझौता किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर विभाग ने सख्ती बरतते हुए यह कार्रवाई की है। खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी ने ढाबा और होटल मालिकों से अपील की है कि वे केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की अदला-बदली और दुरुपयोग की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिन पर विभाग कड़ी नजर बनाए हुए है।
कांगड़ा में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां स्कूल में एडमिशन करवाकर लौट रहे एक मासूम बच्चे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 11 वर्षीय ऋषभ पटियाल जो गांव धनोट का रहने वाला था, अपनी मां सुलोचना देवी के साथ भडोली स्थित कुटियारा स्कूल में छठी कक्षा में एडमिशन करवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय धर्मशाला से नादौन की ओर जा रही एक टैक्सी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के साथ मिलकर उसे देहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। ज्वालामुखी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि टैक्सी चालक ने घटना के बाद खुद ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। मामले की पुष्टि एसपी देहरा मयंक चौधरी ने की है।
पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा में गुरुवार को उस समय स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई जब आउटसोर्स कर्मचारियों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर चक्काजाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण न केवल वाहनों की आवाजाही ठप्प हुई, बल्कि दूर-दराज से आए मरीजों को भी भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। हालांकि ओपीडी सेवाएं तकनीकी रूप से चालू रहीं, लेकिन पर्ची काउंटर बंद होने की वजह से मरीज अपना पंजीकरण नहीं करवा सके, जिससे समय पर उपचार मिलना मुमकिन नहीं हो पाया। इस हंगामे की जड़ बुधवार देर रात हुई एक हिंसक झड़प में छिपी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल में उपचाराधीन एक मरीज की मृत्यु के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उनकी डॉक्टरों के साथ तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई। जब वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, तो परिजनों ने उन पर भी हमला बोल दिया। सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि आए दिन होने वाली ऐसी बदसलूकी ने उनके कार्यक्षेत्र को असुरक्षित बना दिया है, जिसके विरोध में अन्य आउटसोर्स कर्मचारी भी उनके साथ धरने पर बैठ गए। मामले के तूल पकड़ते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम चम्बा प्रियांशु खाती ने स्वयं मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बात की। उन्होंने नाराज कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि शाम पांच बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। प्रशासनिक आश्वासन और उचित कानूनी कार्रवाई के वादे के बाद ही कर्मचारियों ने जाम खोला और वापस काम पर लौटे। एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज में स्थाई पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग को जल्द पूरा किया जाएगा और तब तक वहां पुलिस बल की तैनाती रहेगी। वहीं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने इस पूरी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने जरूरी हैं ताकि स्टाफ बिना किसी डर के काम कर सके।
बुधवार रात 8.40 के आस पास वोल्वो बस के चालक पर हुए जानलेवा हमले में चालक लहूलुहान हो गया है। जानकारी के मुताबिक थुरल से करीब सात किलोमीटर दूर बैरघट्टा नामक स्थान एक थार गाड़ी में सवार चार युवक जो पंजाब के बताए जा रहे हैं, जिन्होंने कथित तौर पर वोल्वो बस को रोक कर एकदम से चालक को खींच कर चाकू के साथ वार कर दिया, साथ ही पिस्टल भी तान दी। चालक ने घायल अवस्था में ही गाड़ी से एकदम उतर कर थार गाड़ी की चावी निकाल ली उतने में ही स्थानीय लोग इकट्ठे हो गए और आरोपियों को पकड़ लिया। वोल्वो बस के चालक को स्थानीय लोगों द्वारा सिविल अस्पताल थुरल में इलाज के लिए पहुंचाया गया है, जहां पर चिकित्सकों द्वारा घायल हुए चालक का उपचार कर चालक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे टांडा मैडीकल कालेज रैफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।आरोपियों के पास से चाकू, पिस्टल, और चिट्टा बरामद किया गया। थार गाड़ी को पुलिस ने सीज कर दिया है।


















































