प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह अर्की उपमंडल में भी दिन प्रतिदिन कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या में इजाफा हो रहा है। शनिवार को ग्राम पंचायत घनागुघाट के गांव छिब्बर के एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 19 जनवरी को 28 वर्षीय व्यक्ति का कोरोना टेस्ट हुआ था और 20 जनवरी को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद वह होम आइसोलेशन पर था। उक्त व्यक्ति की 22 जनवरी को ज्यादा तबियत खराब होने के चलते उसे आईजीएमसी शिमला ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई। इसकी पुष्टि करते हुए बीएमओ अर्की डॉ.राधा शर्मा ने बताया कि उक्त व्यक्ति का अंतिम संस्कार एसओपी का पालन करते हुए कर दिया गया है।
महामहिम राज्यपाल के सानिध्य में रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा सेवा भारती हिमाचल प्रदेश को 800 कंबल दिये गए। जिनको 26 स्थानों पर वितरित करने की योजना बनी है। सेवा भारती कई दशकों से देशभर में कार्य कर रही है। उसी प्रकार हिमाचल में भी पिछले लगभग तीन दशक से सेवा भारती निरंतर कार्यरत है। इसके द्वारा हिमाचल भर में सिलाई केंद्र, संस्कार केंद्र, छात्रावास, अस्पतालों में बिस्तर व अन्य सुविधाएं, अग्नि कांड प्रभावित परिवारों को सहायता, रोगी वाहन, शव वाहन, समाज के निर्धन वर्ग में गंभीर बीमारियों के लिए आर्थिक सहायता, एक अस्पताल कुल्लू के घुड़दौड़ स्थान पर चलाया जा रहा है। इस प्रकार के अनेक कार्य सेवा भारती द्वारा हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जोगिंदर नगर के विभिन्न स्थानों में 30 कंबल वितरित किए गए। जिसमें हराबाग, जोगिंदर नगर के समलोट व रडा भखेड़ में ये कंबल वितरण किया गया। सेवा भारती जिला जोगिंदर नगर प्रमुख ज्ञान व नगर प्रमुख अभिनव ने बताया कि सेवा भारती हिमाचल प्रदेश की प्रांत इकाई महामहिम राज्यपाल व रेड क्रॉस सोसाइटी का हार्दिक धन्यवाद करती हैं की उनके द्वारा जिला जोगिंदर नगर की समस्त कार्यकारिणी पर विश्वास जताया और आशा करते हैं कि आगे भी इस प्रकार सेवा भारती को उनका आशीर्वाद मिलता रहेगा।
हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने शनिवार को ग्राम पंचायत जम्बल में 6 नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों से संवाद स्थापित कर समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि पूरे जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने संतुलित विकास करवाया है, जिससे हर क्षेत्र और वर्ग लाभांवित हुआ है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग का अलग से डिवीजन खुलवाया गया है। टैरेस में मॉडल आईटीआई, कोटला बेहड़ में डिग्री कॉलेज, कूहना में फार्मसी कॉलेज, जंडौर में पॉलिटेक्निकल कॉलेज, रक्कड में डिग्री कालेज का निर्माण, भरोली जदीद में अटल आदर्श विद्यालय, संसारपुर टैरेस में एचआरटीस का डिपो, कोटला बेहड में पशु पॉलीक्लिनिक, चनौर में औद्योगिक क्षेत्र के साथ साथ डाडासीबा सीएससी का दर्जा बढ़ाकर सिविल अस्पताल करवाया गया है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रक्कड़ में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं प्रदान किए जाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। जयराम सरकार ने आपातकालीन चिकित्सा संस्थान के रूप में स्वास्थ्य केंद्र रक्कड़ को स्तरोन्नत करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। डाडा सीबा सिविल हॉस्पिटल को अल्ट्रासाउंड मशीन जबकि पीरसलूही और कस्बा कोटला अस्पतालों को डिजिटल एक्स रे मशीन उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि बीते 4 वर्षों में हम स्वर्णिम हिमाचल के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़े हैं। जनसेवा की अब तक की हमारी यह यात्रा सफल और सार्थक रही है। प्रदेश की जनता हमारे दिलों में बसती है और उसका हित हमारे लिए सर्वोपरि है। वहीं प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए पहली बार ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट का आयोजन किया गया। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अलावा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं जयराम सरकार द्वारा शुरू की गईं। इसका सीधा लाभ आम जनमानस को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों के भीतर जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास करवाने में हम इसलिए सफल हुए क्योंकि जसवां परागपुर की प्रबुद्ध जनता ने पहली बार सरकार के अंदर अपना प्रतिनिधि चुना, जिसके परिणाम स्वरूप आज हमारा क्षेत्र विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सूनते हुए अधिकतम का मौके पर निपटारा किया था। शेष के समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य अनीता कुमारी तथा पंचायत प्रधान रचना शर्मा सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
पुलिस चोंकी डाडासीबा के अन्तर्गत पड़ते गांव कनोल मे गत रात गांव मलोट निवासी युवक का रास्ता रोककर दो व्यक्तियों द्वारा किए गये जानलेवा हमले कि रिपोर्ट पुलिस चौकी डाडासिबा मे दर्ज हुई है। मारपीट का शिकार हुआ गांव मलोट निवासी युवक ने कहा कि मैं अपनी गाडी मे गांव कनोल से निकल रहा था कि वहां गांव दोदरा के दो व्यक्तियों ने उसकी गाडी रोक कर जानलेवा हमला बोल दिया। खैर मारपीट का मामला क्या है उक्त व्यक्तियों ने युवक के साथ क्यो मारपीट की इस बात का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही तय हो पाएगा । पुलिस चौकी डाडासीबा प्रभारी राजेश द्वेदी ने कहा कि पुलिस शिकायतकर्ता के बयान पर मामले की छानबीन कर रही है।
पुरे विश्व में 22 जनवरी को प्रोस्थोडोंटिक्स दिवस मनाया जाता है | प्रोस्थोडोंटिक्स दन्त चिकित्सा की एक शाखा है जिसमें मुख्यत: नए दांत लगाना, दांतो का पूरा जबड़ा बनाना इत्यादि शामिल है। डेंटल कॉलेज पावंटा साहिब में भी 22 जनवरी को प्रोस्थोडोंटिक्स दिवस मनाया जा रहा है और साथ ही लोगों को मुफ्त में दांतों का पूरा जबड़ा लगाया जा रहा है। मुफ्त जबड़ा पाने के लिए 22 जनवरी से 29 जनवरी के बीच पंजीकरण करना होगा |
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बदला मौसम का मिजाज। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनी के चलते पहाड़ों की रानी शिमला में बर्फबारी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी तथा मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश में बिगड़ते मौसम की सूचना जैसे ही मैदानी क्षेत्रों में सैलानियों को मिली वैसे ही उन्होंने पहाड़ों की रानी शिमला की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। इसी बीच शिमला घूमने आए सैलानियों का कहना है कि इस तरह का नजारा आज से पहले कभी नहीं देखा है। बर्फबारी में बहुत खूब आनंद ले रहे हैं। बर्फबारी से सैलानियों के चेहरे चहक उठे हैं।
25 जनवरी को राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समारोह की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने दी। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि यह सोलन जिला के लिए हर्ष का विषय है कि इस वर्ष का पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समारोह के सफल आयोजन के लिए तैयारियों को अन्तिम रूप दिया जा रहा है। समारोह कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए निर्धारित विभिन्न नियमों के पालन के साथ आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि समारोह में पुलिस, होमगार्ड तथा एनसीसी द्वारा भव्य मार्चपास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। विभिन्न विभाग झांकियों के माध्यम से भी प्रदेश के विकास को लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं अन्य को सम्मानित भी करेंगे।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार 26 जनवरी को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतन्त्र समारोह की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने दी। उन्होंने कहा कि विपिन सिंह परमार सर्वप्रथम प्रातः 10.40 बजे कोटलानाला स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष तदोपरांत प्रातः 11.00 बजे ऐतिहासिक ठोडो मैदान में ध्वजारोहण करने के उपरांत प्रातः 11.05 बजे परेड का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर कोविड-19 नियमों के पालन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा। विपिन सिंह परमार इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने करने वालों को सम्मानित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के विभिन्न आकांक्षी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ संवाद किया। प्रधानमंत्री ने इन जिलों में सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की प्रगति और वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बातचीत की और उन्हें सभी हितधारकों के साथ मिलकर जिलों में विभिन्न विभागों द्वारा मिशन मोड में योजनाओं को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर वर्चुअल माध्यम से शिमला से बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने राज्य के चंबा जिले द्वारा सामान्य सेवा केन्द्रों के दायरे को लगभग 67 प्रतिशत से बढ़ाकर 97 प्रतिशत से अधिक करने की उपलब्धि की सराहना करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनवरी 2018 में देश के लिए आकांक्षी जिला कार्यक्रम की शुरुआत की थी और इस योजना के अन्तर्गत चंबा जिले का भी चयन किया गया था। नीति आयोग ने स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेश और कौशल विकास तथा बुनियादी अधोसंरचना जैसे समग्र मानकों के आधार पर कुल 112 आकांक्षी जिलों को चयन किया गया था, जिनका मानव विकास सूचकांक पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देेश्य अनिवार्य रूप से सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीय स्तर पर हासिल करना है, जिससे राष्ट्र की प्रगति हो सके। जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर, ऊर्जा मंत्री सुख राम, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और जे.सी. शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे
पंजाब में होने वाले चुनाव में सुधीर शर्मा को प्रभारी बनाने पर जयसिंहपुर के पूर्व विधायक यादविंद्र ने खुशी जाहिर की है और कांग्रेस हाईकमान का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहां कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुधीर शर्मा को पंजाब में होने वाले में विधानसभा चुनाव में प्रभारी बनाया गया गई। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में पंजाब में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। जिसका सारा श्रेय कांग्रेस के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी एवं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जाता है जिन्होंने दिन रात मेहनत कर कांग्रेस पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाया है।
विद्युत उपमंडल सुजानपुर के तहत आने वाले क्षेत्रों सुजानपुर, सैनिक स्कूल, पौडियाँ मौहल्ला, टीहरा, राधास्वामी मौहल्ला, डोली, पेट्रोल पंप, दाडला मिहाडपुर, करोट, टिकरू, पटलाँदर, कनेेेरड, ठााना, रियाह में 23 जनवरी को विद्युत् आपूर्ति बाधित रहेगी। जानकारी देते हुए विद्युत विभाग के सहायक अभियंता गोपाल भाटिया ने बताया कि 23 जनवरी को सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान 33/ 11 केवी सबस्टेशन सुजानपुर में मरम्मत और 11 केवी लाइनों के साथ लगते पेड़ों की कटाई व छँगाई का कार्य किया जाएगा। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील की है।
एसडीयम पवन शर्मा ने कहां कि शादी समारोह शुरू हो चुके है। ऐसे में कोविड नियमों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने कहां कि हिमाचल सरकार द्वारा जो भी गाइडलाइन जारी की गयी है उसका पालन करें। उन्होंने बताया कि खुले स्थान पर होने वाले समारोह में 300 लोगों को सम्मिलित होने की अनुमति है जबकि हॉल आदि में आयोजित कर्यक्रमों में 100 लोग ही शामिल हो सकते है। पवन शर्मा ने कहां कि अधिकारी शादी समारोह में नजर बनाए रखे हुए है जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बाल विकास परियोजना देहरा के अधीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के दो तथा सहायिका के तीन पद भरे जाएंगे। ग्राम पंचायत नाहलिया के केंद्र रच्छाहन तथा ग्राम पंचायत बारीकला के केंद्र बारीकला में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद भरे जांएगें। वहीं ग्राम टिप्परी के आंगनबाड़ी केंद्र चैकी-1, एनएसी ज्वालामुखी के अधीन अष्टभुजा केंद्र तथा ग्राम पंचायत सिहोरपाई के केंद्र मत्याल में आंगनबाड़ी सहायिका के एक-एक पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 7 फरवरी को सुबह 11ः00 बजे एसडीएम कार्यालय ज्वालामुखी में साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा रवि कुमार ने बताया कि रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र उम्मीदवार सादे कागज पर अपने संपूर्ण दस्तावेजों सहित आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यार्थी 5 फरवरी सायं 5ः00 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा कार्यालय में अपने प्रार्थना पत्र जमा करवा सकते हैं। अतः जो प्रार्थी निर्धारित तिथि तक अपना प्रार्थना पत्र नहीं दे सके वह 7 फरवरी को सीधे साक्षातकार में भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन करने के लिए पात्र होंगी और उनकी आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार उसी आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र की स्थाई निवासी हो। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए जमा दो तथा सहायिका के लिए आठवीं पास होना अनिवार्य है। उम्मीदवार के परिवार की समस्त साधनों से वार्षिक आय 35 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदनकर्ता का नाम 1 जनवरी 2021 को संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे में शामिल होना आवश्यक है। उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए संबंधित पर्यवेक्षक या बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में दूरभाष 01970234096 के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं।
पूर्व उपाध्यक्ष सुरिन्द्र सिंह मनकोटिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार कर्ज पर कर्ज लेती जा रही है। प्रदेश कर्जे के पहाड़ के नीचे बुरी तरह दब चुका है। सरकार की न कोई सोच है न समझ न नियत है न नीति है। मनकोटिया ने बीजेपी पर कड़ा प्रहार करते हुए पूछा कि बीजेपी के राज में न तो कोई युद्ध हुआ और न ही कोई आपात स्थिति आई तो फिर ऐेसे में देश की संपत्तियों को क्यों नीलाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के राज में महंगाई चर्म सीमा पर है और बेरोजगारी लगातार बढ़ी है। सरकार आम आदमी के मुद्दों से दूर भाग रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री यह बताने मे़ं असफल हैं कि उनके इस दौर में न तो कोई बड़ा विकास सामने आया है और न ही कोई बड़ी उपलब्धि दिख रही है तो फिर जनवरी 2018 से जनवरी 2022 तक 4 साल में 25 हजार करोड़ के करीब का कर्जा क्यों लिया गया। मनकोटिया ने सवाल दागते हुए पूछा कि सरकार बढ़ रहे कर्ज पर श्वेत पत्र जारी कर बताए कि लिया गया कर्ज कहां खर्च हुआ।
ग्राम पंचायत संघोई के नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित संघोई प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह में अम्बुजा कंपनी से परवीन लखनपाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। नवयुवक मंडल संघोई ने मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यातिथि परवीन लखनपाल ने अपने सम्बोधन में आयोजकों को इस बेहरतीन आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने युवाओं को खेल में रुचि दिखाने के लिए प्रेरित किया। क्रिकेट प्रतियोगिता प्रीमियर लीग का फाइनल मैच महिंद्रा फाइनेंसर और च्यान्डा टीम के मध्य खेला गया। इसमें महिंद्रा फाइनेंसर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रन बनाए। महिंद्रा फाइनेंसर की ओर से रोहन ने शानदार 116 रन बनाए। जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए च्यान्डा टीम 113 पर ढेर हो गई। इस प्रकार महिंद्रा फाइनेंसर ने इस प्रतियोगिता में विजय हासिल की।नवयुवक मंडल के अध्यक्ष पूर्ण चंद शर्मा ने बताया कि यह क्रिकेट प्रतियोगिता 22 दिनों तक चली ओर इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया।क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता टीम को 11000 रुपये व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दीपक, पवन, कैलाश, दुष्यंत सहित काफी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से आये युवाओं ने भाग लिया।
मनीष ठाकुर / इंदौरा : शिक्षा खंड इंदौरा के अधीन पड़ती राजकीय प्राथमिक पाठशाला मंड सनोर के खेल के मैदान पर पंजाब के जिला अमृतसर में पड़ती एक निजी शुगर मिल के वर्करों द्वारा स्थानीय लोगो से मिलीभगत कर रोजाना दर्जनों गन्ने से भरी ट्रॉलियों ओर ट्रको को खड़े करके खेल मैदान को दलदल बना दिया गया है। इस खेल मैदान में तीन चार गाँवो के युवा खेलने व शरीरिक अभ्यास करने के लिए आते थे। इस शुगर मिल के वर्करों द्वारा स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खेल मैदान पर जबर्दस्ती कीये जा रहे कब्जे को लेकर युवाओं को खेलने व शरीरिक अभ्यास करने से वंचित कर दिया है। इस खेल मैदान में रोजाना पंजाब के बुडाबड़, हाजीपुर, सरियाणा, सहित मंड क्षेत्र के कई गांवों से रोजाना गन्ने से भरी हुई दर्जनों ट्रालियां इस मिल द्वारा इकठी की जा रही है और मिल बर्करो द्वारा अपनी मिल से रोजाना दर्जनों ट्रक लाकर इस खेल मैदान में खड़े कर दिए जाते है और ट्रॉलियों में भरे गन्ने को अपने ट्रकों में लोड कर अमृतसर स्थित शुगर मिल में ले जाया जा रहा है। इस शुगर मिल द्वारा स्कूल की भूमि को इस तरह प्रयोग करने के लिए किसी भी प्रकार की शिक्षा विभाग से कोई भी अनुमति नही ली गई है और नजायज तरीके पर खेल मैदान में ट्रॉलियों को लोड ओर अन लोड करके खेल मैदान को बुरी तरह खस्ताहाल कर दिया है। स्थानीय स्कूल के अध्यापकों द्वारा इन्हें इस बात से बार बार मना भी किया गया पर स्थानीय लोगों और मील वर्करों पर कोई भी असर होता नही दिखा है। उक्त लोगों द्वारा सरेआम सरकार के आदेशों की उलंघना की जा रही है। यही नही कनक कटाई के सीजन में भी पंजाब के एक कनक खरीदार ने स्थानीय लोगो से मिलीभगत कर इसी खेल मैदान में नाजायज तौर पर खरीद केंद्र खोल दिया था और मामला मीडिया में उजागर होने पर शिक्षा विभाग ने उस खेल मैदान को खाली करवाया था। अब देखना है कि शिक्षा विभाग इस पंजाब की शुगर मिल द्वारा जबर्न प्रयोग में ली जा रही अपनी भूमि को कब खाली करवाकर युवाओं को राहत प्रदान करवाता है। इस संबंध में जब स्कूल के मुख्य शिक्षक कुलदीप से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हमने अपने स्तर पर इन्हें खेल मैदान में यह कार्य न करने के लिए बोला है पर इन्होंने बात को नही माना और यही पर यह कार्य करने को कह रहे है। हमने इनकी शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी इंदौरा को लिखित में भेज दी है। इस संबंध में जब खंड शिक्षा अधिकारी इंदौरा शशि बाला से बात की गई तो उन्होंने पंजाब की किसी भी शुगर मिल को स्कूल के मैदान में गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी करने की परमिशन नही दी है। उन्होंने कहा कि अगर इन लोगो द्वारा ऐसा किया जा रहा है तो सुबह वह खुद स्कूल का दौरा करेगी ओर अगर मामला सही पाया गया तो ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
सुंदरनगर के सलापड में जहरीली शराब पीने से अब तक 7 लोगों की मौत का मामला उजागर होने पर सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग नूरपुर की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय जांच दल तथा पुलिस ने वीरवार को बीआरवी शराब उद्योग में दबिश देकर घटना से सबंधित तथ्यों को खंगालने का काम शुरू किया। हालांकि अभी तक जांच में आया है कि शराब माफिया इसके लिए असली दिखने वाला लेवल का इस्तेमाल करता है। शराब कहाँ तैयार की गई पंजाब या हिमाचल में इसके लिए टीम जांच करने में जुट गई है। वीरवार को संसारपुर टेरेस की कंपनी वी आर वी में एक्ससाइज विभाग की टीम ने जांच पड़ताल शुरू की । जांच में अभी तक यही सामने आया कि वी आर वी कंपनी संसार पुर टेरेस संतरा ब्रांड की बोतल पर वी आर वी फूड्स लिखती है जबकि शराब माफिया वी आर वी फूल्स लिखता है। कम्पनी के जनरल मैनेजर राजेश डोगरा के अनुसार देसी शराब के सेवन से जिला मण्डी में हुई मौतों का खंड़न किया है। उन्होनें बताया कि पुलिस विभाग द्वारा कब्जे में ली गई अवैध शराब पर निर्माता का नाम वी आर वी फूल्स लिखा गया है जबकि हमारी कंपनी का नाम वी आर वी फूड्स है। उन्होंने बताया कि नकली कंपनी वी आर वी फूल्स द्वारा रचित इस कांड से हमारी कंपनी वी आर वी फूड्स का कोई संबध नहीं है। हमारी कंपनी में शराब का उत्पादन आबकारी विभाग की देखरेख में आबकारी एवं खाद्य आपूर्ति पदार्थ अधिनियम के मापदंडो के अनुसार किया जाता है। साथ ही शराब के विक्रय से पूर्व हर उत्पाद को राज्य सरकार द्वारा स्थापित प्रयोगशाला से प्रमाणित होने के बाद ही बाजार में उपयोग के लिए विक्रय किया जाता है व प्रारम्भिक जांच के बाद आबकारी विभाग कंपनी वी आर वि फूड्स लिमिटेड को उत्पादन व विक्रय की अनुमति प्रदान कर दी है। आबकारी एवम कराधान बिभाग के असिसटेंट कमिश्नर टिक्कम चंद ने बताया कि विभाग की तरफ से गठित जांच कमेटी में दो ईटीओ बाबू राम नेगी ओर चंदरशील भूटानी, निरीक्षक मुकेश कुमार व राकेश कुमार ने मौके पर पहुंच कर नकली शराब संबधी तथ्यों को गहनता से खंगला लेकिन अभी तक किसी भी प्रकार का कोई भी सुराग विभाग को नही मिला तथा मामले की जांच-पड़ताल जारी है। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाही अम्ल में लाई जायेगी। इस संदर्भ में डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि सुंदरनगर में पकड़ी गई विआरवी फूड़स की देसी शराब संतरा मार्का पर विआरवी फूल्ज लिखा है जो कि विआरवी फूड़ज की संतरा शराब से बेमेल है। उन्होनें बताया का शराब फैक्टरी में विआरवी फूल्ज संबधी कोई भी जानकारी नहीं मिली है। जांच में अभी तक यही सामने आया है कि वी आर वी कंपनी संसार पुर टेरेस संतरा ब्रांड की बोतल पर वी आर वी फूड्स लिखती है जबकि शराब माफिया की बोतल पर वी आर वी फूल्स लिखा गया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को धर्मशाला से कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लुथान में राधाकृष्ण गौ अभ्यारण्य का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। धर्मशाला से लोगों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार का पहला निर्णय 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन प्रदान करने पर लक्षित था, जबकि दूसरा निर्णय बेसहारा पशुओं के लिए राज्य में विभिन्न स्थानों पर गौ अभ्यारण्यों और गौ सदनों के निर्माण का था। प्रदेश सरकार ने शराब की बोतल पर एक रुपये का उपकर लगाने का भी फैसला किया है और इस धनराशि का उपयोग गौ अभ्यारण्यों एवं गौ सदनों के प्रभावी प्रबंधन एवं संचालन पर किया जा रहा है। जय राम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने हाल ही में शिमला जिले के सुन्नी में 500 गायों को रखने की क्षमता वाला एक गौ अभ्यारण्य समर्पित किया। लुथान में गौ अभ्यारण्य में एक हजार गायों को रखने की क्षमता होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौ सदनों को प्रति गाय 500 रुपये प्रति माह प्रदान कर रही है ताकि उनके लिए चारे की उचित व्यवस्था की जा सके। उन्होंने राज्य के लोगों से यह सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया कि मवेशियों को बेसहारा नही छोड़ें और यदि कोई मवेशियों को सड़क पर घूमते हुए देखता है, तो उसे गौ अभ्यारण्यों और गौ सदनों में भेजा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस गौ अभ्यारण्य की स्थापना 3.96 करोड़ रुपये की लागत से की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न गौ अभ्यारण्यों में करीब 19 हजार मवेशी हैं। लुथान में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि राज्य की सभी सड़कें और गलियां बेसहारा पशुओं से मुक्त हों और उन्हें उचित आश्रय मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक सप्ताह के भीतर राज्य के लोगों को दो गौ अभ्यारण्य समर्पित किए हैं जो बेसहारा पशुओं को आश्रय देने के प्रति उनकी चिंता को दर्शाता है। राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चंद धवाला ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में गौ अभ्यारण्य का उद्घाटन करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।विधायक विशाल नेहरिया, अर्जुन सिंह और अरुण कूक्का, गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, वूल्फेड के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर इस मौके पर उपस्थित थे।
डाडासीबा : जलशक्ति विभाग डाडासीबा बना शराब का अड्डा, दिनदिहाड़े कर्मचारियों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा
जलशक्ति विभाग डाडासीबा परिसर में गुरुवार को दिन दिहाडे उस वक्त विभागीय कर्मचारियों व मौके पर मौजूद अन्य तमाम लोगो की शराब पार्टी का नशा किरकिरा हो गया जब अचानक मौके पर पहुंची पुलिस ने छापामारी कर तमाम सात लोगो को उठा कर डाडासीबा अस्पताल ले गई और वहां उनका मेडिकल करवाया गया। इस शराब पार्टी मे विभाग के अधिकारी भी बताये जा रहा है। खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस को विगत कई दिनो से लगातार शिकायते आ रही थी कि डाडासीबा मे चल रहे जलशक्ति कार्यलय परिसर मे आए दिन शराब की पार्टिया चलती है। जिससे विभागीय अधिकारी कर्मचारी व स्थानिय क्षेत्र के कई ठेकेदार लोग आदि मिलकर यहां दिन दिहाड़े शराब पीते है। वहीं इसी शिकायत के अधार पर पुलिस ने गुरुवार को अचानक जलशक्ति कार्यलय परिसर मे छापामारी की तो इस दौरान वहां मौके पर विभागीय टीम सहित सात लोगो को पुलिस ने शराब पार्टी करते हुए रगे हाथो पकडा। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि उक्त तमाम लोगो का डाडासीबा अस्पताल मे मेडिकल करवा कर उसकी रिपोर्ट विभागीय प्रशासन को सौंपी जाएगी। हैरानी की बात तो यह है कि सरकारी कार्यलय मे ही सरकारी आदेशो की सरेआम धज्जियां उडाई जा रही है । क्या कहते हैं जलशक्ति विभाग एक्सन इस सम्बन्ध में एक्सीएन संदीप चौधरी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है परन्तु यदि किसी भी कर्मचारी की इसमें संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नाहन : (दलीप सिंह) डा. वाई.एस. परमार मैडीकल कालेज अस्पताल नाहन में वीरवार को कोरोना संक्रमित एक 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार महिला गंभीर बिमारियों से पीडि़त थी। जिसे नाहन अस्पताल से शिमला आई.जी.एम.सी. के लिए भी रैफर किया गया था। जिसके बाद एक बार फिर महिला नाहन अस्पताल में भर्ती हुई थी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आज महिला की हालत बिगड़ी और महिला की मौत हो गई। पुष्टि करते हुए अस्पताल के एम.एस. डा.श्याम कौशिक ने बताया कि जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में कोरोना संक्रमण से तीसरी लहर में यह पहली मौत है। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से 76 वर्षीय महिला अस्पताल में कोरोना संक्रमित होकर अपना इलाज करवा रही थी। जिसे कई अन्य गंभीर बिमारियां भी थी। जिसके चलते आज उक्त महिला की मौत हो गई है।
न्यूनतम पेंशन को 1000 से बढ़ाकर 5000 किए जाने के संबंध में अंबुजा सीमेंट कर्मचारी संघ सम्बंधित भारतीय मजदूर संघ दाड़लाघाट का एक प्रतिनिधिमंडल अखिल भारतीय सीमेंट मजदूर महासंघ के उप महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में नायब तहसीलदार दाड़लाघाट से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक ज्ञापन उपतहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक राजेंद्र सिंह ठाकुर को सौपा। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने कहा कि ईपीएफओ के तहत ईपीएस 95 योजना के अंर्तगत आने वाले पेंशनभोगियों को बहुत कम पेंशन के रूप में प्राप्त हो रही है। उच्च बाजार दरों को दृष्टिगत रखते हुए अत्यल्प पेंशन राशि प्राप्त होने के कारण पेंशनभोगियों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी मुख्य मांगो में मौजूदा न्यूनतम पेंशन को 1000 प्रतिमाह से बढ़ाकर 5000 प्रतिमाह किया जाना, मुद्रास्फीति की दर को दृष्टिगत रखते हुए 2014 में तय की गई न्यूनतम पेंशन राशि 1000 प्रतिमाह को 2022 में तुलना करने से यह पेंशन राशि न्यूनतम ₹5000 प्रतिमाह होती है। यहां तक कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को बहुत कम मासिक प्रीमियम का योगदान करके पेंशन के रूप में 3000 प्रति माह का आश्वासन दिया जा सकता है, लेकिन ईपीएफ 95 योजना में 541 प्रति माह का भुगतान करने वाले कर्मचारियों को भी औसतन 800 से 2500 रुपये मिलते हैं। बढ़ती हुई महंगाई को दृष्टिगत रखते हुए ईपीएस 95 पेंशन को मूल्य सूचकांक की लागत से जोड़ा जाना चाहिए। भारतीय मजदूर संघ पुरजोर मांग करता है कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के अंतिम आहरित वेतन का 50% पेंशन राशि प्रदान की जाए। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि बीएमएस की मुख्य मांग ईपीएफ 95 पेंशन, 65 लाख लाभार्थियों से जुड़े संगठित क्षेत्र में ईपीएस 95 पेंशन एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। कोविड-19 दिनों के दौरान भी जिन्होंने पूरे समय काम किया है, उन्हें केवल 1000 की न्यूनतम पेंशन की एक मामूली राशि मिली है, यह निराश्रित पेंशन से कम है। इसलिए ईपीएस पेंशन को बढ़ाकर 5000 किया जाना चाहिए। जबकि आयुष्मान भारतीय चिकित्सा योजना का विस्तार ईपीएस 95 पेंशनभोगियों तक किया जाना चाहिए। ईपीएस 95 में न्यूनतम पेंशन में कोई भी बढ़ोतरी सभी 65 लाख पेंशनभोगियों के लिए एक सार्वभौमिक बढ़ोतरी होगी। इन सभी मांगो के लिए अंबुजा सीमेंट कर्मचारी संघ दाड़लाघाट ने पूर्ण विश्वास जताया है कि भारतीय मजदूर संघ की उपरोक्त मांगों पर सकारात्मक रूप अपनाकर निर्णय कर उन्हें पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय सीमेंट मजदूर महासंघ के उप महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा,रुवेश कुमार,नरेश कुमार,राकेश महाजन सहित अन्य उपस्थित रहे।
इंदौरा :(मनीष ठाकुर) थाना डमटाल के अन्तर्गत पुलिस टीम ने एक घर मे दबिश देकर एक महिला को नशे की खेप सहित काबू किया है। जानकारी देते हुए डीएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा ने बताया कि आज पुलिस को सूचना मिली की छन्नी गाँव में महिला नशा बेचने का कारोबार कर रही है। पुलिस को रेड के दौरान एक बड़ी सफलता मिली है। जिस पर कार्यवाही करते हुए आज दोपहर बाद थाना डमटाल के प्रभारी हरीश गुलेरिया व उनकी टीम की अगुवाही में टीम ने छन्नी गाँव में गुप्त सूचना के आधार पर बताए गए घर में दबिश दी और इस दौरान महिला से 4.63 ग्राम चिट्टा व 6820 रुपये बरामद हुआ। पकडी गई महिला आरोपी की पहचान आशा देवी (37 वर्ष) पत्नी मिथुन गाँव व डाकघर छन्नी के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी से पकड़ी गई नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। डीएसपी नुरपुर सुरिंदर शर्मा ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।
हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर ने गुरुवार को एक बयान में सयुक्त मोर्चा बनने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह राजनीतिक संगठन है। डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि प्रदेश में नया मोर्चा बनने से इनको सभी को अपने अपने संगठनों से त्यागपत्र दे देना चाहिए। कुछ साम्यवादी संगठन, कुछ कांग्रेस के पिट्ठू संगठन प्रदेश के कर्मचारियों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे है। प्रान्त महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि इन नेताओं के सबसे बड़े नेता से चर्चा के लिए हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ तैयार है।
पालमपुर रोड सेफ्टी क्लब की बैठक एसडीएम पालमपुर डॉ अमित गुलेरिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पालमपुर शहर और आसपास की पार्किंग एवम सुचारू रूप में ट्रैफिक के संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीएम पालमपुर ने बताया कि संयुक्त कार्यालय पालमपुर, पुराने एसडीएम परिसर के खुले स्थान को आपस में जोड़कर लगभग 200 गाड़ियों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पुराने एलआईसी कार्यालय से सैनिक रेस्ट हाउस जाने वाली सम्पर्क सड़क पर संयुक्त कार्यालय परिसर तक सड़क पर येलो लाइन लगाकर पेड़ पार्किंग दी जायेगी। बैठक में ग्रैंड प्लाजा, पालमपुर पटवार घर के पास, उपनिदेशक कृषि कार्यालय को जाने वाली सड़क को भी नो पार्किंग जोन बनाने का फैसला लिया गया। एसडीएम ने बताया कि लोगों की सुविधा और ट्रैफिक आवाजाही सुचारू रखने के लिये अनाधिकृत रूप में बाजार में समान बेचने बैठे लोगों को हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम से शहर में पार्किंग स्थानों की संभावनाओं को तलाशने को कहा गया है। उन्होंने दुकानदारों को भी अनाधिकृत रूप में समान सड़क में नहीं रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि अपने वाहनों को पार्किंग में खड़ा करें और ट्रैफिक नियमों की कढ़ाई से अनुपालना करें। बैठक में नगर निगम की मेयर पूनम बाली, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम शिव मोहन सैणी, डीएसपी पालमपुर गुरबचन सिंह, व्यापार मंडल से सुरिंदर सूद, गीतेश भृगु, रोड सेफ्टी क्लब के सदस्य, टैक्सी संचालक, पुलिस एवं अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कोटशेरा ईकाई द्वारा स्वामि विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष पर स्वामी विवेकानंद कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन कोटशेरा में किया जा रहा है। अखिल भारतीय वद्यार्थी परिषद स्वामी विवेकानन्द की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाती है। इस अवसर पर अनेक प्रकार की खेल कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है। प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए कोटशेरा ईकाई सचिव आकाश वर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद 12 जनवरी स्वामी विवेकानन्द की जयंती से लेकर 23 जनवरी नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती को युवा पखवाड़ा के रूप में मनाती है और इस दौरान पूरे देश मे अनेक प्रकार की खेल प्रतयोगिताएं व अनेक संकृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में कोटशरा ईकाई के द्वारा कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है जिसका शुभारंभ 19 जनवरी को हुआ है। इस प्रतियोगिता में कुल 21 टीमों ने भाग लिया है, जिसमे कल 6 मैच खेले गए है और प्रतियोगिता का आज दूसरा दिन है। इसमें आज दोपहर तक 5 मैच खेले गए जिसमे पहला मैच शोगी एवम कोटशेरा के बिच खेला गया और इस मैच में कोटशेरा की टीम ने जीत दर्ज कर अगले राउंड मे प्रवेश किया है। इकाई से सचिव योगेश शर्मा ने कहा कि इस प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों द्वारा खेल को खेल की भावना के साथ खेला जा रहा है और कोविड के नियमों का पालन भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को जिला कांगड़ा के धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते बोर्ड के सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राज्य के अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तरह चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा प्रदान करने की घोषणा की। प्रदेश सरकार के इस निर्णय से बोर्ड के 750 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारी लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री हिमकेयर जैसी योजनाएं भी शुरू की हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रदेश का कोई भी व्यक्ति धन के अभाव में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पिछली राज्य सरकार ने 24 मार्च 2014 को बोर्ड के पेंशनभोगियों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा प्रदान करने में असमर्थता व्यक्त की और इस सुविधा को अप्रैल 2014 से बंद कर दिया था। जयराम ठाकुर ने कहा कि बोर्ड के पेंशनभोगियों को इस योजना का लाभ प्रदान करने के लिए हर वर्ष 1.61 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इन सभी खर्चों को बोर्ड अपने संसाधनों से वहन करेगा।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बोर्ड की उपलब्धियों और कार्यप्रणाली से सम्बन्धित पुस्तिका का भी विमोचन किया। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सोनी ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।विधायक विशाल नेहरिया और वूलफेड के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर इस अवसर पर उपस्थित थे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि 15 करोड़ रुपये की लागत से लिंक रोड़ घेरा सुक्कूघाट का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से पांच गांवों के लगभग दो हजार लोग लाभान्वित होंगे। सरवीन चौधरी आज वीरवार को शाहपुर विधान सभा के अन्तर्गत बनने वाली रिड़कमार से डल लेक तक सम्पर्क सड़क भाग(बरनेट से घेरा) का भूमिपूजन करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण में 322 पेड़ों को काटा जाना हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने पेड़ों को काटने के लिए 39.79 लाख रुपये वन विभाग को जमा करवा दिये हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण में 82 लाख रुपये व्यय किये जाएंगे। इसके बनने से लोगों को यातायात की सुविधा मिलेगी तथा यह सड़क वाईपास का काम भी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर गांव को बेहतर सड़क सुविधा देने के लिए कार्य किया जा रहा है। नई सड़क बनाने के साथ-साथ पुरानी सड़कों के बेहतर रखरखाव पर ध्यान दिया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने इस दौरान बरनेट में जनसमस्याएं सुनी तथा अधिकाशं का मौके पर ही निराकरण भी किया। उन्होंने घासनी माता में सामुदायिक भवन बनाने के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। सरवीन चौधरी ने कहा कि शाहपुर विधान सभा क्षेत्र के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थाई समाधान के लिए अनेकों पेयजल योजनाएं लोगों को सौंपी जा चुकी हैं और कुछेक बड़ी योजनाएं शीघ्र बन कर तैयार हो जांएगी। इससे विधान सभा के लोगों को स्वच्छ पीने का पानी मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए इस क्षेत्र में अनेकों विकास कार्य किये जा रहे हैं। क्षेत्र में सड़क व स्वास्थ्य सेवा की मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के प्रगतिशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। जरूरी है कि बेरोजगार युवा इनका लाभ लें, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ा हो सकें तथा स्वरोजगार लगाकर दूसरों को रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि 120 लाख रुपये की लागत से दियाड़ा बरनेट रोड़ की डीपीआर बनाई गई है। उन्होंने बताया कि 10 लाख रुपये की लागत से कैंट नाले के पास अस्थाई रोड़ बनाया गया है। इसके अतिरिक्त 15 करोड़ रुपये की लागत से लिंक रोड़ घेरा सुक्कूघाट का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इस वित्तिय वर्ष में नड्डी से बल्हा गुणा माता तक सड़क के निर्माण के लिए 24 लाख रुपये व्यय किये गये हैं। उन्होंने कहा कि बल्ला में सामुदायिक भवन के लिए पांच लाख तथा शौचालय निर्माण के लिए दो लाख रुपये दिये गये हैं। उन्होंने बरनेट में वर्षाशालिका बनाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मेयर ओंकार नेहरिया, एएसपी बद्री सिंह, महामंत्री अमरीश परमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुशील डढ़वाल, बीडीओ अभिनीत कात्यान, एसडीओ धर्मेन्द्र ठाकुर, विवेक कालिया, पुरूषार्थ, प्रधान भत्तला ओम प्रकाश, प्रधान घरोह तिलक शर्मा, राकेश मनु, भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय लोग मौजूद थे।
भारतीय स्टेट बैंक नवगांव का एटीएम पिछले 20 दिनों से बंद रहने के बाद वीरवार को फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया में खबर छपने के बाद एटीएम की सुविधा शुरू हो गयी है। गौर रहे कि पिछले 20 दिनों से बंद पड़े एटीएम की सुविधा बैंक के ग्राहकों के साथ स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन वीरवार को फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया ने एसबीआई के बंद पड़े एटीएम की समस्या को "एटीएम बंद होने से लोगो को हो रही परेशानी" शीर्षक से खबर को प्रमुखता से उठाया था, जिसे वीरवार को चालू कर दिया गया है। स्थानीय लोगों में पंचायत प्रधान नवगांव कृष्ण देव गौतम, उपप्रधान नवगांव चुनी लाल, सतीश कुमार, जयदेव, महेन्द्र कुमार, रवि कुमार, हरीश शुक्ला, सुमन प्रकाश, रामलाल, नितेश, नीम चंद सहित अन्य ग्रामीणों के अनुसार इस एटीएम के बंद होने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों, छात्रों, राहगीरों ओर यात्रियों को इस एटीएम के होने से सुविधा रहती थी, लेकिन पिछले दिनों से बंद पड़े एटीएम पर बैंक प्रबंधन द्वारा कोई गौर नहीं किया जा रहा था।लेकिन खबर छपने के बाद बैंक प्रशासन हरकत में आया व एटीएम को शुरू कर दिया गया।
जसवां:परागपुर के अन्तर्गत पड़ती ग्राम पंचायत कौलापुर स्थित हाल डोगरी नैशनल हाईवे सडक पर शराब के नशे मे धूत बोलेरो गाडी चालाक द्वारा रौंग साइड जाकर दुकान के बाहर बैठे 10 वर्षीय कर्ण पुत्र सुनील कुमार को टक्कर मार कर घायल कर दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि उक्त बोलैरो गाडी गलत साईड जाकर दूसरी सही दिशा में जाकर नाली मे घुस गई। वही इस दर्दनाक हादसे में मासूम दस वर्षीय कर्ण की दोनो टांगे बुरी तरह फ्रेक्चर होने के साथ साथ पेट सिर व शरीर के अन्य हिस्सों मे गहरे जख्म बताए जा रहे है। उक्त हादसे मे जख्मी हुए कर्ण सिंह को उपचार हेतु पहले नादौन व बाद मे हमीरपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि सडक हादसे मे बुरी तरह जख्मी हुए कर्ण के पिता सुनील कुमार चिकन की दुकान करता है और उक्त कर्ण हादसे के दौरान अपने पिता की दुकान पर ही आया था और उक्त बोलेरो चालक के शिकंजे मे आ गया। उक्त चालक इतना नियंत्रण खो चुका था कि घटना स्थल के साथ ही बेल्डिंग की दुकान पर कार्य कर रहे कर्मचारी भी इस हादसे की चपेट आते आते रह गए। उन्होंने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। हादसा गत देर सांय 4 बजकर 55 मिनट का बताया जा रहा है। हादसे के दौरान मौजूद दुकानदारों व वहा कौलापुर के रिटायर एस एच ओ विचित्र सिंह ने इस वारदात के बारे मे आरोपी गाडी चालाक के खिलाफ अपने अपने बयान पुलिस को दर्ज करवाए है । रक्कड पुलिस ने सूचना मिलते ही विभिन्न धाराओं सहित मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरु कर दी है। उधर, डीएसपी ज्वालामुखी चन्द्र पाल सिह ने बताया कि रक्कड पुलिस ने विभिन्न धाराओं सहित आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गहनता से छानबीन शुरु की है ।
विद्युत उपमंडल सिद्धपुर के सहायक अभियंता कर्म चंद भारती ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद् उपमंडल सिद्धपुर(योल) के अन्तर्गत आने वाले समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि कोई भी बिजली उपभोक्ता अपना बिजली का बिल लंबित न रखें। उन्होंने बताया कि सभी उपभोक्ता अपने बिजली के बिल का भुगतान निर्धारित समय सीमा पर देना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि अगर किसी भी उपभोक्ता का बिजली का बिल काफी समय से लंबित है तो वह अपना बिजली का बिल तुरन्त जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि समय पर बिजली का बिल का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन नियमानुसार बिना किसी आगामी सूचना के काट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपना बिल ऑनलाइन माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट और अन्य पेमेंट एप से भी जमा करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता के बिल में कोई भी त्रुटि पाई जाती है तो उसे दूर करवाने के लिए कार्यालय में इसी माह सम्पर्क करें। अन्य किसी भी जानकारी के लिए उपभोक्ता कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01892-246394 पर भी सम्पर्क कर सकते हैं।
पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र के विकास के लिए समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए ताकि वे अपने क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकें। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष संघ के एक प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि यह लोकतंत्र की आधारभूत इकाई हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को कई शक्तियां प्रदान की हैं। जयराम ठाकुर ने संघ के सदस्यों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनकी सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। संघ के अध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा ने मुख्यमंत्री पंचायती राज संस्थाओं के लिए राज्य वित्त आयोग से अलग से बजट प्रावधान करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से जिला परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के लिए ऐच्छिक निधि का प्रावधान करने और विधायक प्राथमिकताओं की तर्ज पर जिला परिषद की प्राथमिकताओं का प्रावधान करने का भी आग्रह किया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, अध्यक्ष वूलफेड त्रिलोक कपूर इस अवसर पर अन्य व्यक्तियों सहित उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश में जब से भाजपा एवं जयराम सरकार सत्तासीन हुई है, प्रदेश का हर वर्ग लगातार प्रताड़ना का शिकार होता जा रहा है। यह बात प्रदेश कांग्रेस सचिव व द्रंग विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राकेश चौहान ने जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि यह इस प्रदेश का दुर्भाग्य है कि शायद इस तरह का नेतृत्व प्रदेश को पहले कभी मिला हो। हिमाचल प्रदेश में यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि देश और प्रदेश की जनता को सुरक्षा कवच देने वालों को आज अपनी और अपने परिवार की कई तरह की सुरक्षा के लिए आर्थिक और सामाजिक तौर पर चिंतित होना पड़ रहा हैै। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार द्वारा कर्मचारी विरोधी निर्णय लेने के चलते आज पुलिस के नौजवान सरकार के सामने खड़े होकर अपने साथ हो रहे अन्याय और प्रताड़ना के चलते अपने हितों की लड़ाई के लिए मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इन चार सालों में प्रदेश के हर वर्ग की बात करें तो उन्हें सिर्फ़ प्रताड़ना ही हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से जानना चाहती है कि प्रदेश और प्रदेश की जनता को सुरक्षा प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण वर्ग अपने व अपने परिवार को असुरक्षित क्यों मान रहा है।
जसवां-प्रागपुर विधानसभा के तहत पड़ती पँचायत रेल के बनूडी गाँव में महिला मण्डल की बैठक का आयोजन किया गया।बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा अध्यक्ष अनीता सपेहियां ने की। इस दौरान साथ रेल पंचायत की प्रधान सन्ध्या देवी विशेष रूप से उपस्थित रही। बैठक में महिला मंडल कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए महिला मण्डल की प्रधान संयोगिता देवी, सचिव सन्तोष कुमारी व कैशियर आशा देवी को नियुक्त किया गया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष अनीता स्पेहिया ने वहां उपस्थित महिलाओं को महिला मण्डल की विभिन्न योजनाओ बारे जानकारी दी तथा इसके महत्वत पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
पुलिस चौकी संसारपुर टैरेस में एक युवती ने उसके साथ छेडछाड की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। दरअसल युवती डाक विभाग में नौकरी करती है। युवती ने बताया कि उसके मकान मालिक के बेटे ने युवती को मोटरसाईकिल पर उसके साथ चलकर डाक बांटने के लिए कहा व जब वो डाक बांटकर वापिस आये तो युवक ने अपना मोटरसाइकिल एकांत जगह पर खड़ा कर दिया व युवती के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। इस घटना के बाद युवती ने युवक के घर जाकर सारी बात बताने की बात कही तो युवक उसे जान से मारने की धमकी दी व मौके से फरार हो गया। वहीं संसारपुर टैरेस चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने युवती के ब्यानों पर बुधवार को मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले पर युवक से भी पूछताछ जारी है। वहीं डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुये बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
करसोग में नशे के कारोबरियों के उपर अब पुलिस ने नकेल कसनी शुरु कर दी है। इसी के चलते बुधवार को करसोग में एसआईयू की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यहां बुधवार को गश्त के दौरान एसआईयू की टीम ने 5 किलो 554 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक एसआईयू की टीम ने करसोग के कोटलु के समीप नांज कैंची में एक 51 वर्षीय व्यक्ति से 5 किलो 554 ग्राम चरस बरामद की। आरोपी का नाम ओम प्रकाश बताया जा रहा है, जो गांव मलोग डाकघर सराहन का रहना वाला है। ओम प्रकाश पेशे से एक सरकारी स्कूल में क्लर्क के पद पर तैनात बताया गया है। एसआईयू की टीम कोटलु में गश्त पर थी। उसी समय एक व्यक्ति नांज की ओर जा रहा था। एसआईयू की टीम ने व्यक्ति को रोकने का इशारा किया तो वह हड़बड़ा गया, जिस पर एसआईयू की टीम को शक हुआ और व्यक्ति को रोक कर उसके बैग की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के पास से एक चरस की बड़ी खेप पकड़ी गई। एसआईयू मंडी टीम के इंस्पेक्टर देशराज के नेतृत्व में यह कामयाबी हासिल की है। डीएसपी करसोग गीताजंलि ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एसआईयू मंडी की टीम ने गश्त के दौरान नांज कैंची कोटलु के समीप एक व्यक्ति से यह चरस बरामद की है। पुलिस एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त को हिरासत में ले लिया है व आगामी कार्रवाई जारी है।
उपमंडल जोगिंदरनगर के सुजा गांव में 10 दिनों के बाद बीइंग हुमन प्रोडक्शन के बैनर तले बनने जा रही हिंदी वेब सीरीज की शूटिंग शुरू होने जा रही है। जिसके दृश्य सुजा, बीड़, सुखबाग और चौंतडा़ के आसपास क्षेत्रों में फिल्माए जाएंगे और इस वेब सीरीज में हिमाचली और स्थानीय कलाकारों को मौका दिया जाएगा। इस वेब सीरीज का लेखन कार्य गगन सिंह द्वारा किया गया है। जानकारी देते हुए डायरेक्टर राही कृतंहस, प्रोड्यूसर करण गुप्ता और अमर डोगरा ने बताया कि इस वेब सीरीज का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली हुई कुरीतियों के प्रति समाज को जागरूक करना है। उन्होंने कहा इससे पहले भी उनके द्वारा इस तरह के कई गाने और वेब सीरीज बनाई गई हैं। इसके साथ ही हिमाचली कलाकारों को बढ़ावा देना व छुपी हुई प्रतिभा को निखारने का भी उनका मुख्य लक्ष्य है। वेबसीरीज में विशेष तौर से हिमाचली मीनी गुरदास मान के नाम से कहे जाने वाले बैजनाथ से गायक बब्बी मान द्वारा अपने आवाज का रंग बिखेरा जाएगा। मुख्य किरदार के रूप में अभिनेत्री कंचन राय नजर आएंगी। इनके साथ ही कास्ट में अमर डोगरा, अभिनय चंदन और सनी कालरा रहेंगे। वहीं रोशन चौधरी, शिव वालिया, दीपिका शर्मा किरदार निभाएंगे। दूसरी तरफ वहीं हिमाचली कलाकारों के लिए ऑडिशन की तारीख जल्द ही निर्धारित की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने लगे है। यहां कोरोना के मामले हर दिन अपना ही रिवॉर्ड तोड़ रहे है। राज्य में 19 जनवरी को 3148 रिकॉर्ड मामले सामने आए है जबकि 7 लोगों की मौत हो गई। 1 जनवरी को प्रदेश में जो एक्टिव मामले 474 थे वह बढ़कर 14918 पहुंच गए है। प्रदेश में अभी तक 3892 लोगों को संक्रमण के बाद मौत हो चुकी है। तेज़ी से बढ़ते कोरोना के मामलों के चलते सरकार ने कुछ बंदिशे भी लगाई है बावजूद इसके पिछले कुछ दिनों से मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि जनवरी के आखिर में हिमाचल में कोरोना की तीसरी लहर का पीक हो सकता है। जिसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने प्रदेश में बंदिशों को बढ़ाने की बात कही है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि हिमाचल में जिस रफ्तार से मामले बढ़ रहे है जनवरी के आखिर तक तीसरी लहर का पीक होगा। हिमाचल में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए और बंदिशें लगाई जाएंगी। लेकिन इन बंदिशों में लोगों को इस तरह नहीं बांधा जाएगा जिससे आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हों। उन्होंने बताया कि हिमाचल में ऑक्सीजन की कमी नहीं है। हिमाचल में 100 मीट्रिक टन से ऊपर ऑक्सीजन उत्पादन हो रहा है। आईसीयू में मरीज कम है। आईसीयू व ऑक्सीजन में कुल 100 कोविड मरीज अस्पताल में भर्ती है।
आम आदमी पार्टी विधानसभा क्षेत्र नादौन में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और उसके निवारण पर चर्चा की। इसमें सीवरेज की समस्या, अस्पताल में सुविधाओं की कमी की समस्या, स्कूलों में शिक्षा के स्तर की समस्या एवं कोरोना के बढ़ते मामलों पर चर्चा की। इसमें गौशाला निर्माण एवं गौवंश के ऊपर भी चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली मॉडल को जन-जन तक पहुंचाने व कैलेंडर वितरण को लेकर भी आगामी योजना बनाई गई। बता दें की बैठक की अध्यक्षता विजय शर्मा राज्य उपाध्यक्ष ने की। इस दौरान स्थानीय अध्यक्षविकास डोगरा, राज्य संगठन मंत्री ओबीसी शैंकी ठुकराल, राज्य प्रवक्ता सुनील गोल्डी, संगठन मंत्री मनोज कुमार, उपाध्यक्ष विपन कुमार, सह सचिव सेठी कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनुज कपिल, ओबीसी अध्यक्ष अश्विनी कुमार, युवा विंग अध्यक्ष रवि कुमार स्याल एवं विनय कौल उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने छात्र मांगो को लेकर विश्वविद्यालय पुस्तकालय के बाहर प्रदर्शन किया। विद्यार्थी परिषद ने अपने इस प्रदर्शन में विश्वविद्यालय प्रशासन से पुस्तकालय को खोलने की मांग की। इकाई अध्यक्ष आकाश नेगी ने कहा कि बीते 2 सालों से पूरे विश्व में कोरोना महामारी के चलते जहाँ लोगों का जीवन अस्त व्यस्त है। वंही शिक्षा का क्षेत्र भी इस से अछूता नहीं रहा है। इस महामारी के कारण सबसे ज्यादा परेशानी वर्तमान के छात्रों को हो रही है। प्राथमिक हो, माध्यमिक हो, या उच्च शिक्षा, छात्रों की पढ़ाई कोरोना के कारण बुरी तरह से प्रभावित है। आकाश ने कहा कि कुछ समय पहले प्रदेश सरकार द्वारा जारी आदेशों का पालन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने विवि.पुस्तकालय तुरंत प्रभाव से छात्रों के लिए बंद कर दिया था। इस आदेश के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत विवि.लाइब्रेरी में पढ़ने वाले छात्रों को हुई थी। अभी तक प्रदेश के सबसे बड़े शिक्षण संस्थान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा विवि लाइब्रेरी को छात्रों के लिए नहीं खोला गया है जिसके कारण सैंकड़ो छात्रों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। आकाश ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन सभी परिस्थितियों से भली भांति वाक़िफ़ हो कर भी अनजान बना हुआ है। यह सीधे तौर पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द विश्वविद्यालय पुस्तकालय को खोला नहीं गया तो आने वाले समय में विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी जिसके लिए प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा।
नेहरू युवा खेल केंद्र, खेल मंत्रालय भारत सरकार, देवी दुर्गा खेल एवं संस्कृति क्लब उरनी की सहयोग से उरनी गांव में राष्ट्रीय युवा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यअतिथि प्रोफेसर सिकंदर कुमार नेगी के साथ विशिष्ट अतिथि क्लब के कोषाध्यक्ष शिव सिंह नेगी व गोपाल नेगी उपस्थित थे। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें भाषण प्रतियोगिता,पेंटिंग प्रतियोगिता और पारंपरिक लोकगीत प्रतियोगिता को रखा गया था। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंजलि, द्वितीय स्थान विजेंद्र कुमार ने प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान साहिल कुमार, द्वितीय स्थान सनी देओल ने प्राप्त किया। पारंपरिक लोकगीत में जिगर नेगी प्रथम, द्वितीय स्थान सौरभ प्राप्त ने किया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर सिकंदर नेगी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद हर युवा के लिए प्रेरणा के स्रोत है। उन्होंने कहा कि 12 जनवरी स्वामी विवेकानन्द के जन्मदिन को देश 'राष्ट्रीय युवा दिवस' के रूप में मनाता है व स्वामी के विचार इंसान के दिल में आज भी स्फूर्ति पैदा कर देते हैं।
विद्युत उपमंडल कोटखाई के अंतर्गत महासू सेक्शन में कार्यरत सोहन लाल शर्मा के परिवारजनों से शोक व्यक्त करने चेतन बरागटा चौपाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते दशाना गांव पहुंचे। उन्होंने विद्युत विभाग के कर्मचारी स्व सोहन लाल शर्मा के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। चेतन सिंह बरागटा ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि इससे पहले भी कई बार इस तरह के हादसे हो चुके है। उन्होंने इस हादसे की जांच को लेकर विद्युत विभाग के मैनेजिंग डायरेक्टर से फोन पर बात कर इस विषय पर शीघ्र अति शीध्र कार्रवाई करने का निवेदन किया और सरकार से भी विभागीय जांच करने की मांग रखी है। चेतन सिंह बरागटा ने कहा कि जहां दुर्घटना हुई वह क्षेत्र हमारे विधानसभा क्षेत्र में आता है व इंसानियत व नैतिकता के आधार पर हम इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े है। चेतन सिंह बरागटा ने कहा कि जिस परिवार में यह घटना घटी है उस परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी देने व आश्रितों को मुवावजा देने का आग्रह हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के समक्ष रखेंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा जिला के धर्मशाला में 283.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 17 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इसमें 207 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित धर्मशाला स्काईवे भी शामिल है। जयराम ठाकुर ने 6.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित धौलाधार कनवेशन केंद्र, उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में 2.88 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग, 8.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित धौलाधार गार्डन, 6.50 करोड़ रुपये की लागत से अंघर महादेव मन्दिर परिसर में विकासात्मक कार्य, 97 लाख रुपये की लागत से विकसित बहुद्देशीय पार्क धर्मशाला, 10.50 करोड़ रुपये से चामुण्डा मन्दिर के जीर्णोधार कार्य, 4.63 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आर्ट एंड क्राफ्ट सेन्टर रझियाणा, 3.60 करोड़ रुपये से बृजेश्वरी मंदिर परिसर में सुधार कार्य, 4.35 करोड़ रुपये से माता बाघ कांगड़ा में विकास कार्य और एडीबी के अन्तर्गत 14.34 करोड़ रुपये की लागत से ज्वालामुखी में निर्मित पार्किंग का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 3.58 करोड़ रुपये से निर्मित विलेज हार्ट कांगड़ा, दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आरएफएसएल के टाईप-4 क्वाटर, धागवार में दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मिल्कफेड के बिस्कुट प्लांट और 1.58 करोड़ रुपये से आरएफएसएल के डीएनए और साइबर कॉम्पलैक्स खंड का भी लोकार्पण किया। जयराम ठाकुर ने 1.06 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले आरएफएसएल के एडवांस इंस्टूमेंट लैब और 3.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड धर्मशाला की क्षेत्रीय प्रयोगशाला का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने में धर्मशाला मैकलोडगंज रोपवे मील का पत्थर साबित होगा। उन्हांने कहा कि महामारी के बावजूद इस रोपवे का निर्माण समयबद्ध पूर्ण किया गया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यटकों के साथ अन्य यात्रियों को परिवहन की वैकल्पिक सुविधा उपलब्ध करवाने में सहायक सिद्ध होगी। इस रोपवे का निर्माण विश्व स्तरीय नवीनतम तकनीक से किया गया है। उन्होंने इस परियोजना के निष्पादकों को दैनिक यात्रियों के लिए पास उपलब्ध करवाने की एक प्रणाली विकसित करने के लिए भी कहा।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड ड़ॉ.अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों व गंभीर बीमारी से ग्रस्त व्यक्तियों के लिए 20 जनवरी को 6 स्थानों पर महामारी से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि 15 से 18 आयु वर्ग के लिए भी 20 जनवरी को कोरोना का टीका लगाया जायगा। उन्होंने बताया कि फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों व गंभीर बीमारी ग्रस्त व्यक्तियों जिनकी दूसरी डोज को नौ माह हो चुके हो, वह व्यक्ति बूस्टर डोज लगवाने के पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा, ग्राम पंचायत मत्रालियों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, मोबाइल टीम पांवटा साहिब इन सभी स्थानों पर कोरोना से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बूस्टर डोज लगवाने के लिए लाभार्थियों को कोरोना टीकाकरण की दूसरी डोज के समय उपयोग किए गए मोबाइल नंबर व फोटो युक्त पहचान पत्र टीकाकरण स्थल पर लाना अनिवर्य होगा। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को 15 से 18 आयु वर्ग के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माजरा में कोरोना से बचाव हेतु वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 से 18 वर्ष की आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी यहाँ टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ.अजय देओल ने कहा कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र जिसमें आयु दर्शाई गई हो अपने साथ ज़रुर लाएं।
73वें उपमंडल स्तरीय गण्तंत्र दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। एसडीएम कार्यालय देहरा में आयोजित बैठक में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को बलिदानी वीर भूनेश्वर डोगरा मैदान देहरा में गणतंत्र दिवस समारोह पूर्ण हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना सम्बंधित नियमों को ध्यान में रखते हुए पूरे उत्साह से गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को बलिदानी वीर भुवनेश डोगरा की प्रतिमा पर माल्यापर्ण के उपरांत बलिदानी भूवनेश्वर डोगरा मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस उपलक्ष्य पर उपमंडल से सम्बंध रखने वाले वीरगति को प्राप्त हुए वीरों के परिजनों को सम्मानित करने के साथ कार्यक्रम को आरंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षण संस्थानों द्वारा देश भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। एसडीएम ने अधिकारियों व विभागों को समारोह के सफल आयोजन के लिए पूर्व योजना एवं पूर्ण योजना से तैयारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उपमण्डल के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस समारोह में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर तहसीलदार देहरा अमर सिंह, नायब तहसीलदार सुरिंद्र कुमार, नगर परिषद् अध्यक्षा सुनिता कुमारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष मलकीयत परमार, एसडीएएमओ देहरा डाॅ. बृजनंदन शर्मा, एसएमओ देहरा डाॅ. गुरमीत सिंह, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग राजिंद्र बग्गा, सहायक अभियंता जलशक्ति विभाग मदन सिंह, एसएचओ देहरा कुलदीप कुमार, शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय स्टेट बैंक नवगांव का एटीएम पिछले दिनों से बंद रहने से बैंक के ग्राहकों के साथ स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत नवगांव में वर्षा शालिका स्थित एसबीआई एटीएम से स्थानीय लोगों, व्यापारियों, छात्रों, राहगीरों और यात्रियों को पैसा निकालने में सहूलियत रहती है, परंतु पिछले काफी दिनों से एटीएम बंद रहने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। लोगों का कहना है कि यह समस्या पिछले 20 दिनों से ज्यादा होने का समय हो गया है जिस पर बैंक प्रबंधन द्वारा अभी तक इस समस्या पर कोई गौर नही किया गया है। लोगों ने कहा कि एटीएम के बंद होने से लोगों को अगर पैसे निकलवाने भी हो तो नवगांव से 3 किलोमीटर की दूरी में दाड़लामोड़ स्तिथ एटीएम से पैसे निकालने पडते है, लेकिन वहाँ भी कभी कोई भरोसा नही होता कि वहाँ लोगों को पैसे निकलेंगे या नही। लोगों ने कहा कि अगर नवगांव में एटीएम सुचारू रूप से कार्य करे तो लोगों को इधर उधर भटकना नही पड़ेगा और लोगों को अपने घर द्वार ही सहूलियत रहेगी। जब इस बारे भारतीय स्टेट बैंक नवगांव के प्रबंधक पंकज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह एटीएम प्राइवेट कंपनी के अधीन है इसका सारा कार्य कंपनी द्वारा किया जाता है इस बारे बैंक प्रबंधन अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। वंही जब इस बारे बैंक कॉर्डिनेटर ज्ञान कंवर से बात की गई तो तो उन्होने बताया कि यह एटीएम प्राइवेट कंपनी के थ्रू चलता है जो कि चंडीगढ़ की है। उसको चलाने के लिए मेल द्वारा बोल दिया गया है अब वह जल्दी ही इस एटीएम को चला देगा।
डाडा सीबा के सिविल अस्पताल में तैनात चिकित्सकों समेत कर्मचारियों की सुरक्षा राम भरोसे है। आलम यह है कि 25 पंचायतों की सेहत का जिम्मा संभालने वाले इस अस्पताल के कर्मी खस्ताहाल हो चुके सरकारी आवासों में जिंदगी व्यतीत कर रहे हैं। उक्त सरकारी आवास की हालत इतनी दयनीय है कि क्वार्टर की दीवारें जर्जर हो चुकी हैं और छत से बारिश का पानी भी आना शुरू हो गया है। इतना ही नहीं सरकारी क्वार्टर की खिड़की और दरवाजे भी एक-एक करके भवन का साथ छोड़ रहे हैं। गौरतलब है कि यह आवास स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के रहने के लिए बनाए गए हैं, लेकिन इन दिनों आवास भवनों की हालत काफी खराब हो चुकी है। भवन गिरने के कगार पर है। दीवारों से प्लास्टर उखड़ चुका है, ऐसे में कोई भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। लेकिन अभी तक विभाग की ओर से इनकी मरम्मत के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया और इन क्वार्टरों के ऊपर सूखी घास व पेड़ उगना शुरू हो गए हैं। बता दें कि सिविल हॉस्पिटल में सेफ्टी सीवरेज के कुछ ढक्कन भी टूट चुके हैं और कुछ को तो पतली टीन की चादरों से ढका हुआ है। उधर इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे हैं डॉक्टर पंकज कौंडल डाडा सीबा ने बताया सरकारी क्वार्टरों की खस्ताहाल को देखते हुए इसका एस्टीमेट बनाकर सीएमओ कांगड़ा को भेजा गया है और राशि मंजूर होते ही सरकारी आवासों की मरम्मत शुरू करवा दी जाएगी और कुछ क्वार्टर का रिपेयर का काम चला हुआ है।
हिमाचल काडर के दिल्ली में तैनात 1996 बैच के आइपीएस अधिकारी आइजी एनएसजी अभिषेक त्रिवेदी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौट रहे हैं। वह यहां एडीजीपी का पदभार संभालेंगे। अभिषेक त्रिवेदी 11 जनवरी को आइजी एसएसजी के पदभार से भारमुक्त हो गए हैं। अब 60 दिन के अवकाश के बाद 13 मार्च को प्रदेश में पदभार संभालने के संबंध में जानकारी प्रदेश पुलिस मुख्यालय को दी है। ऐसे में उनके केंद्र से प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद एडीजीपी का एक पद भर जाएगा।
हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के जंगलों में पाए जाने वाले बुरांस के फूल की पंखुड़ियों का अर्क कोरोना वायरस को रोकने में मदद करेगा। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी व नई दिल्ली के इंटरनेशनल सेंटर फार जेनेटिक इंजीनियरिंग एंड बायोटेक्नोलाजी के विज्ञानियों ने बुरांस की पंखुड़ियों में फाइटोकेमिकल्स की पहचान की है। इससे कोरोना के संक्रमण के इलाज की संभावना सामने आई है। बुरांस का फूल सामान्यतया 15 मार्च से 15 अप्रैल तक खिलता है। इन्हें बुरुंस व बराह भी कहा जाता है। शोधार्थियों के मुताबिक बुरांस की पंखुड़ियों के गर्म पानी के अर्क में प्रचुर मात्रा में क्विनिक एसिड व इसके डेरिवेटिव पाए गए। मालीक्यूलर अध्ययन से पता चला है कि ये फाइटोकेमिकल्स वायरस से लड़ने में दो तरह से प्रभावी हैं। यह मुख्य प्रोटीएज से जुड़ जाते हैं, जो एक तरह का एंजाइम है और वायरस की प्रतिकृति (रेप्लिका) बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह मानव एंजियोटेंसिन परिवर्तित एंजाइम-2 से भी जुड़ता है, जो होस्ट सेल में वायरस के प्रवेश की मध्यस्थता करता है। प्रायोगिक परीक्षण में यह पाया गया कि पंखुड़ियों के अर्क की गैरविषाक्त खुराक से वेरो ई-6 कोशिकाओं में कोरोना का संक्रमण रुकता है। पंखुड़ियों के अर्क ने कोरोना वायरस को बनने से रोका है।
भले ही सड़क विस्तार में हिमाचल को देश का सरताज बना दिया हो लेकिन पहाड़ी प्रदेश की सर्पीली सड़कें मानवीय खून से रंग रही है। राज्य की खस्ताहाल तंग सड़कों पर कदम कदम पर मौत का पहरा लगा हुआ है। शिमला जिला के ग्रामीण हल्को की सर्पीली सड़के वाहन चालको के लिए काल का ग्रास बनती जा रही है। जिला शिमला में 3 साल में 1287 सड़क हादसो में 530 लोगों की जान जा चुकी है और 2199 लोगो ने मौत को करीब से देखा है। औसतन प्रतिवर्ष जिला शिमला की सड़कों पर दो सौ के करीब बेगुनाहों की जाने जा रही है। या यूं कहें कि औसतन हर माह 40 के करीब सड़क हादसों में 15 मौतें और 60 से उपर लोग अपंगता का दंश झेलने को मजबूर हो रहे है। भले ही सरकार राज्य की सड़को पर 90 फीसदी दुर्घटनाओं का कारण ड्राइवर का नशे में रहकर गाड़ी दौड़ाना बता रही हो लेकिन सरकार की लापरवाही और विभागीय सिस्टम भी इसके लिए जिमेवार है। यंहा बताते चले कि हिमाचल के कुछ साल के सड़क हादसो को देखते हुए नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो की सर्वे में हिमाचल को अन्य पहाडी राज्यों की तुलना में सडक हादसों में सबसे खतरनाक राज्य बताया है। हिमाचल में औसतन अन्य पहाड़े राज्यों की तुलना सबसे ज़्यादा सडक दुर्घटनाएं सामने आती हैं। इस रिपोर्ट के बाद भी सरकार ने सडक हादसों को रोकने के लिए काफी कोशिशें की थीं लेकिन इन हादसों में कोई ख़ास कमी दर्ज नहीं हो पाई। सड़क दुर्घटनाओं के बाद अब तक सरकार सिर्फ मजिस्ट्रेट इन्क्वायरी ही करवाती आ रही है, लेकिन सड़क हादसो को रोकने के लिए कोई कारगर निति नही अपनाई जा रही है। वंही डीएसपी मंगतराम ने बताया कि सड़क हादसे में 3 सालों का आंकड़ा देखें तो 2021 में कम सड़क हादसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य कारण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान है। उन्होंने बताया कि पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है कि नशा करके गाड़ी न चलाएं। बिना मतलब ओवरटेक न करें, तेज रफ्तार से गाड़ी न चलाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस की जागरूकता का ही नतीजा है कि सड़क हादसे कम हो रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष ज्वालामुखी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व वन एवं खेल युवा सेवा मंत्री राकेश पठानिया का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश एवं प्रदेश में खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। वंही हिमाचल मंत्रिमंडल ने खेलों एवं खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए स्वर्ण जयंती खेल नीति 2021 लागू किया गया है। इस नीति में खेलों के दूरगामी विकास की दृष्टिगत प्रशिक्षण में वैज्ञानिक अनुसंधान को शामिल किया गया है। साथ ही इस नीति से ग्रामीण क्षेत्रों के और विशेषकर पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सुनहरा अवसर मिलेगा। उनहोंने मंत्रिमंडल के इस निर्णय का स्वागत किया है।


















































