जिला दण्डाधिकारी, डॉ. निपुण जिन्दल ने हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी उन्मूलन आदेश, 1977 के खण्ड-3 (1)(ई) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला कांगड़ा में आवश्यक वस्तुओं के परचून विक्रय मूल्य समस्त करों सहित निर्धारित किये हैं। जिला कांगड़ा का कोई भी व्यापारी तथा निर्माता निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य उपभोक्ताओं से नहीं ले सकता है। उन्होंने मीट बकरा/मेढ़ा प्रति किलोग्राम 450 रुपए, मुर्गा ब्राईलर डैस्ड प्रति किलोग्राम 200 रुपए, मीटर सुअर प्रति किलोग्राम 250, मछली कच्ची प्रति किलोग्राम 200 रुपए, मछली तली हुई प्रति किलोग्राम 280 रुपए तथा मुर्गा जीवित प्रति किलोग्राम 150 निर्धारित किया है। उन्होंने होटलों/ढाबों में परोसा जाने वाला खाना, सब्जियों इत्यादि की दरें निर्धारित की हैं। तन्दूरी चपाती प्रति 7 रुपए, तवा चपाती प्रति 5 रुपए, परोंठा भरा हुआ अचार सहित 20 रुपए, प्लेन परांठा 15 रुपये, दो पूरी चने व दही सहित प्रति प्लेट 35 रुपए, दाल, सब्जी, कढ़ी एवं चावल/चपाती प्रति खुराक 60 रुपए, चावल फुल प्लेट 50 रुपये, दाल सादी प्रति प्लेट 30 रुपये, दाल फ्राई प्रति प्लेट 40 रुपए, स्पेशल सब्जी 50 रुपये, पालक/मटर पनीर प्रति प्लेट 60/70 रुपए, मीट प्रति प्लेट 5 पीस सहित 120 रुपए, चिकन करी 80 रुपये प्रति प्लेट, चाय 10 रुपये, समोसा 10 रुपये, चोमीन फुल प्लेट वेज़ 60 रुपये, चोमीन हॉफ प्लेट वेज़ 35 रुपये, चौमीन नॉन वेज़ फुल प्लेट 70 रुपये, चौमीन नॉन वेज़ हॉफ प्लेट 40 रुपये, थुपका फुल प्लेट वेज़ 60 रुपये, थुपका हॉफ प्लेट वेज़ 40 रुपये, थुपका फुल प्लेट नॉन वेज़ 70 रुपये, थुपका नॉन वेज़ हॉफ प्लेट 50 रुपये, मोमो फुल प्लेट वेज़ 50 रुपये, मोमो हॉफ प्लेट वेज़ 30 रुपये, मोमो फुल प्लेट नॉन वेज़ 60 रुपये, मोमो हॉफ प्लेट नॉन वेज़ 35 रुपये निर्धारित किये गये हैं। इसी प्रकार दूध, दही एवं पनीर की दरें निर्धारित की गई हैं जिसमें हलवाईयों/ग्वालों द्वारा बेचा जाने वाला कच्चा दूध प्रति लीटर 55 रुपये तथा उबला हुआ दूध 57 रुपये प्रति लीटर तथा दूध पैक्ट सभी ब्रांड का पैकेट पर अंकित मूल्य पर बेचा जा सकेगा। दही प्रति किलोग्राम 80 रुपए तथा स्थानीय पनीर खुला प्रति किलोग्राम 300 रुपए में बेचा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि यह सभी दरें पर्यटन विभाग व उनके पास पंजीकृत होटलों एवं रेस्तरां में लागू नहीं होंगी। यह दरें समस्त कांगड़ा जिला में हिमाचल प्रदेश राजपत्र/ई-बजट में प्रकाशित होने के पश्चात आगामी एक माह तक लागू रहेंगी। इन सभी निर्धारित दरों को सभी परचून दुकानदारों, होटल, ढाबा मालिक एवं मछली बिक्रेता अपने-अपने व्यापारिक परिसरों में दुकानों के बाहर ग्राहकों की जानकारी हेतू मूल्य सूची के रूप में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करेंगे जोकि स्पष्ट रूप में देवनागरी लिपि में लिखी होनी आवश्यक है। मूल्य सूची दुकानदार/भागीदार/प्राधिकृत व्यक्ति द्वारा दिनांक सहित हस्ताक्षरित होना आवश्यक है तथा प्रत्येक दुकानदार को ग्राहक के मांगने पर कैशमैमो देना अनिवार्य होगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने भाजपा मुख्यालय दीपकमल से बताया की पूरा देश आजादी के 75 वें वर्ष को अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। देश की स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के पावन अवसर पर पंतजलि योगपीठ, क्रीड़ा भारती व अन्य संस्थाओं के संयुक्त तत्वाधान में 75 करोड़ सूर्य नमस्कार करने का संकल्प लिया गया है। इस सन्दर्भ में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप के निर्देशानुसार भारतीय जनता पार्टी ने सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठ इस महायज्ञ में पूर्ण सहभागिता देंगे । उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रदेश अध्यक्ष ने चार सदस्यीय प्रदेश समिति का गठन किया है इसमें प्रदेश कार्यालय सचिव प्यार सिंह, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी करण नंदा, महिला आयोग अध्यक्ष डेजी ठाकुर तथा बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वंदना योगी होंगी। यह कार्यक्रम 31 जनवरी, 2022 से 07 फरवरी, 2022 के मध्य चलेगा। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार जिला व मण्डल स्तर पर भी समितियों का गठन किया जा रहा है तथा खेल प्रकोष्ठ एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सहयोग से इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण किया जाएगा। इस पूरे कार्यक्रम में प्रदेश की आई टी एवं सोशल मीडिया टीम प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करेगी । उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु भाजपा बूथ स्तर तक के सभी कार्यकर्ता पूर्व से ही सूर्य नमस्कार करने का अभ्यास करेंगे तथा फिर इस यज्ञ में सूर्य नमस्कार रूपी आहुति समर्पित करेंगे। इस कार्यक्रम में सभी मोर्चों की अग्रिम भूमिका रहने वाली है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते हम अपने घरों में भी सूर्य नमस्कार कर सकते है, उसके लिए सम्बन्धित मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री योजना बनाएंगे। इस कार्यक्रम में अपने आप को पंजीकृत करने हेतु एक गूगल फॉर्म को भी भरा जाना है जिससे इस महायज्ञ में भाग लेने वालों की गणना भी हो सकेगी। उनके साथ विधायक विनोद कुमार उपस्थित रहे।
वन मंत्री राकेश पठानिया कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। राकेश पठानिया ने लिखा, “आज सुबह मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसलिए मैं अपने आप को 7 दिनों के लिए क्वारंटीन कर रहा हूं। मेरे संपर्क में आए सभी लोगों से निवेदन है की अपनी सेहत का ख्याल रखें और लक्षण आने पर अपनी जांच करवाएं।”
नगर परिषद जोगिन्दर नगर की जनता को स्थानीय विधायक की शह पर उपमंडलाधिकारी नागरिक जोगिन्दर नगर जिन के पास नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व है के माध्यम से बिजली पानी के काटने के गैर कानूनी नोटिस दे कर डराया- धमकाया जा रहा है। जिसके खिलाफ शिघ्र ही आम नागरिकों की ओर से न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी। यह बात नप उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि कार्यकारी अधिकारी के तौर पर डोर टू डोर गार्बेज कलेक्शन, डिस्पोजल बाई लॉज़ 2018 के अंतर्गत बिजली पानी काटने के नोटिस दिए जा रहे हैं। इस प्रकार के नगर परिषद जोगिंदर नगर के सन्दर्भ में कोई भी कानून राज्यपाल के द्वारा राजपत्र के माध्यम से अधिसूचित नहीं किया गया है। आज तक गैर कानूनी तौर पर आम जनता से घर घर से कूड़ा उठाने के लाखों रुपये वसूलने का गैर कानूनी कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब से नगर परिषद क्षेत्र से लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को बढ़त मिली है तब से ही विधायक के द्वारा अधिकारियों के माध्यम से जनता को प्रताड़ित करने के लिए आये दिन नए नए गैर कानूनी हथकंडें अपनाये जा रहे हैं। आज स्थिति यह है कि सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, सरकारी आवासीय कॉलोनियों, लघु सचिवालय में स्थित दर्जनों कार्यालयों को तो कोई नोटिस नहीं दिए जा रहे, जबकि आम नागरिकों को प्रतिदिन गैर कानूनी बिजली पानी काटने के नोटिस दियें जा रहे हैं। नगर परिषद क्षेत्र में आम नागरिकों के लिए अलग कानून व सरकारी कार्यालयो, सरकारी आवासीय कॉलोनियों के लिए अलग कानून अपनाएं जा रहे हैं, जिससे जोगिन्दर नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली जग जाहिर हो जाती है। उन्होंने कहा कि जोगिन्दर नगर का प्रशासन यहीं नहीं रुक रहा, जहां आम जनता को गृह निर्माण करने पर टी सी पी एक्ट के अंतर्गत निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस थमाए जा रहे हैं, वहीं जिस लघु सचिवालय में उपमंडलाधिकारी नागरिक स्वयं बैठते हैं तथा जिस का निर्माण कार्य बिना नक्शा पास किये चल रहा है, उस इमारत में बिजली पानी सब लगा हुआ है, इस इमारत में बिजली पानी कैसे लगाया गया, वे इस बात का जवाब दें। धरवाल ने कहा कि उपमंडलाधिकारी नागरिक क्या लघु सचिवालय का बिजली पानी भी कटवाने का नोटिस जारी करेंगे। इसी प्रकार बिना नक्शा पास करवाये महाविद्यालय जोगिन्दर नगर का ऑडिटोरियम बन रहा है। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या का साइंस ब्लॉक बिना नक्शा पास किये बन गया और वहां बिजली पानी भी लग गया। लोक निर्माण विभाग के अधिषाषी अभियंता व अधीक्षण अभियंता के निवास भी बिना नक्शा पास बन गए। वहाँ भी बिजली पानी लग गया है। लोक निर्माण विभाग की आवासीय कॉलोनी भी बिना नक्शा पास करवाये बन गई व वहां भी बिजली पानी लग गया। आम नागरिकों के लिए व प्रशासन स्वयं के लिए एक ही कानून को अलग अलग तरीके से लागू कर रहा है। धरवाल ने कहा कि उपमंडलाधिकारी नागरिक जिन के पास नप कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व है, आम नागरिकों के बिजली पानी कनेक्शन काटने से पहले अपने गैर कानूनी बिना नक्शा पास करवाये निर्मित कार्यालय का बिजली पानी का कनेक्शन कटवाएं। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ ये भेद भाव सहन नहीं किया जाएगा।
जयसिंहपुर में कांग्रेस एससी वर्ग प्रदेश अध्यक्ष जयसिंहपुर के पूर्व विधायक यादविंद्र गोमा ने विद्यानंद सरेक और ललिता वकील को पद्मश्री मिलने पर बधाई दी। जयसिंहपुर में यादविंद्र गोमा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहां कि दोनों ही अनुभावों ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विद्यानंद सरेक ने साहित्य के क्षेत्र में और ललिता वकील ने चंबा रूमाल को जिन बुलंदीयों तक पहुँचाया है वो काबिले तारीफ है। उन्होंने कहां कि दोनों व्यक्तियों ने ही पूरे देश में नाम रोशन किया है।
सोलंगनाला में गुरुवार को दो दिवसीय स्टेट स्की एंड स्नो बोर्ड प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 250 खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं। उक्त प्रतियोगिता में राष्ट्रिय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्की और स्नो बोर्ड प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके खिलाड़ी भी विशेष तौर पर पहुंचे हुए हैं। यही नहीं सोलंगनाला में आयोजित की जा रही प्रतियोगिता में विशेष तौर पर वे युवा खिलाड़ी पहुंचे हुए हैं जिन्होंने विदेशों में भी अनुभवी खिलाड़ियों से स्की और स्नो बोर्ड का प्रशिक्षण लिया है। ऐसे में सोलंगनाला की स्की एंड स्नो बोर्ड प्रतियोगिता खासी रोचक होने वाली है। गुरुवार को उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कजाकिस्तान से स्की और स्नो बोर्ड का बेसिक कोर्स करने व विशेष प्रशिक्षण ले कर भारत लौटी लाहुल की रहने वाली भुवनेश्वरी ठाकुर भी पहुंची। भुवनेश्वरी ठाकुर प्रदेश के उन युवा खिलाडियों में से एक है, जो अपनी प्रतिभा का लोहा खेल के साथ साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी देश व विदेशो में मना चुकी हैं। भुवनेश्वरी ठाकुर लाहुल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर की बेटी भी हैं। भुवनेश्वरी ठाकुर का कहना है कि गुरुवार को वे सोलंगनाला में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बतौर प्रतिभागी शिरकत करने के लिए पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बचपन से ही स्की और स्नो बोर्ड को चलाने का शौक था। भुवनेश्वरी का कहना है कि उनके पिता रवि ठाकुर भी स्की के अच्छे खिलाड़ी रहे हैं और उन्हीं से प्रेरणा ले कर वे इस खेल में आगे बढ़ रही हैं। यहां बता दें कि गुरुवार को आयोजित उक्त दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर से जहां सैंकड़ों खिलाड़ी सोलंगनाला पहुंचे वहीं लाहुल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर को भी प्रतियोगिता के आयोजकों ने विशेष तौर पर आमंत्रित किया था। खिलाडियों का मनोबल बढ़ाने व उनके साथ स्की खेल का अनुभव सांझा करते हुए रवि ठाकुर ने कहा कि सोलंगनाला में पहुंच कर स्की खेल से जुड़ी उनकी पुरानी यादें भी ताजा हो गई। उन्होंने कहा कि बात अगर लाहुल स्पीति की की जाए तो लाहुल स्पीति में हैली स्की खेल की अपार संभावनाएं है। घाटी की स्की ढलानों पर जहां राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं करवाई जा सकती हैं, वहीं विंटर टूरिज़म को विंटर स्पोर्ट्स नए मुकाम पर पहुंचा सकता है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लाहुल के जिस्पा, त्रिलोकनाथ, सिस्सू रिज, वरबोग स्की स्लोप सहित अन्य स्थलों को स्की खेल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसीत किया जा सकता है, जिसके लिए वे प्रयासरत हैं। इस अवसर पर आयोजन समीति से जगदीश जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी है और 80 के दशक में स्की प्रतियोगिता में आस्ट्रीया में लोहा मनवा चुके है, वह भी सोलंगनाला में खिलाड़ियो का मनोवल बढ़ा रहे हैं। इसके अलावा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भोला राम ठाकुर, अंतरराष्ट्रीय खिलाडी एवं परशुराम अवार्ड विजेता तेजा, ओलंपियन नानक चंद ठाकुर, परशुराम अवार्ड से सम्मानित उमा ठाकुर, अमर चंद, सुंदर, रूप सिंह नेगी, एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री चौहान के अलावा लाहुल से ज्ञाल्छन ठाकुर, नोरवू पांस, सुरेंद्र सहित अन्य विशेष तौर पर मौजूद रहे।
शनि सेवा सदन पालमपुर के अध्यक्ष परविंदर भाटिया ने ज्वालामुखी क्षेत्र के टिहरी और कठोग भदौली के दो अति निर्धन परिवारों की बेटियों की शादी के लिए धाम का सामान दिया है जिससे गरीब परिवार के लोगों को बड़ी राहत मिली है। शनि सेवा सदन के ज्वालामुखी उप कार्यालय के प्रभारी एडवोकेट शैलेश शर्मा ने शनि सेवा सदन पालमपुर की टीम का तहे दिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि जब भी ज्वालामुखी उप कार्यालय से जिस भी पात्र व्यक्ति को पालमपुर कार्यालय भेजा गया है वहां से दिल खोलकर गरीब परिवार की मदद हो रही है जिसके लिए ज्वालामुखी क्षेत्र की जनता शनि सेवा सदन की आभारी है। इससे पूर्व भी कई बार ज्वालामुखी में विपरीत परिस्थितियों में शनि सेवा सदन पालमपुर की टीम क्षेत्रवासियों के लिए मसीहा बनकर आती रही है और जरूरतमंद लोगों की मदद करती रही है। कोरोना संकटकाल में भी 5 बार पालमपुर से टीम ज्वालामुखी में आई और सैकड़ों लोगों को निशुल्क राशन दिया गया ताकि उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े। कई निर्धन परिवारों के लोगों की आंखों के ऑपरेशन निशुल्क करवाए गए। अग्निकांड में प्रभावित लोगों की मदद की गई चाहे प्राकृतिक प्रकोप आए या करोना संकट आए। सरकार से पहले शनि सेवा सदन की मदद लोगों को मिलती है l
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र से संबंधित आधवाणी की पंचायत समिति सदस्य आरती राणा को प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन के नेताओं के दिशा निर्देश पर जिला भाजपा अध्यक्ष देहरा संजीव शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम का जिला संयोजक नियुक्त किया है और उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। शीघ्र ही उन्हें जिला उपमंडल स्तर पर कार्यकारिणी गठित करने के लिए भी अधिकृत किया गया है। इस संदर्भ में पंचायत समिति सदस्य आरती राणा से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा ईमानदारी और लगन से पार्टी संगठन का कार्य करेंगे और उन्हें जो जिम्मेवारी पार्टी हाईकमान ने सौंपी है उनकी अपेक्षाओं पर हमेशा शत प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करेंगे। ज्वालामुखी क्षेत्र में उनकी नियुक्ति पर जोरदार स्वागत किया जा रहा है। विधायक रमेश धवाला, भाजपा नेता मान चंद राणा, रामस्वरूप शास्त्री, विजय मेहता, विमल चौधरी, एस के शर्मा, अनिल धीमान आदि ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की हैl
हिमाचल प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने मां ज्वालामुखी के दरबार में पूजा अर्चना कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया उनके साथ राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार, सहायक अभियंता करण गुलेरिया, कनिष्ठ अभियंता आशीष शर्मा, भाजपा नेता रामस्वरूप शास्त्री, विजय मेहता आदि इस मौके पर उपस्थित थे। मंदिर न्यास ज्वालामुखी की तरफ से तहसीलदार ज्वालामुखी एवं मंदिर अधिकारी दीनानाथ यादव ने मां ज्वालामुखी की तस्वीर सिरोपा और प्रसाद भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। बाद में अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक का आयोजन कर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने क्षेत्र की चल रही विद्युत संबंधी समस्याओं का जायजा लिया और क्षेत्र में चल रही बिजली की ओवरलोडिंग की शिकायत रमेश धवाला ने उनके समक्ष रखी। रमेश धवाला ने बताया कि ज्वालामुखी में मौजूदा 3 पॉइंट 15 एम वी ए कैपेसिटी है जिसे बढ़ाकर 5 एम वी ए की कैपेसिटी करनी है ताकि क्षेत्र में चल रही ओवरलोडिंग और बार-बार बिजली के कट की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। इस पर उन्होंने तुरंत विभाग को निर्देश दिए कि 15 दिन के अंदर ज्वालामुखी विद्युत सब स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा ताकि ओवरलोडिंग की समस्या समाप्त हो सके उन्होंने बलारडू में एक 33 केवी विद्युत सब स्टेशन को भी स्वीकृत करने का आश्वासन दिया साथ ही विद्युत विभाग के विश्राम गृह ज्वालामुखी में अतिरिक्त कमरों का निर्माण करने, खाली पड़े रिक्त पदों को तुरंत भरने और अधिशासी अभियंता कार्यालय भवन निर्माण के लिए भी निर्देश दिए। सुखराम चौधरी ने कहा कि मां ज्वालामुखी के दरबार में देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा विद्युत दरों में की गई कमी और 60 यूनिट बिजली इस्तेमाल करने वालों को निशुल्क बिजली उपलब्ध करवाने, कृषि के क्षेत्रों में विद्युत दरों को कम करने, किसानों गरीबों और निम्न स्तर के लोगों को लाभ पहुंचाने की योजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लोगों को यह सुविधाएं दी गई हैं । विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश घवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में कर्मचारियों को भी राहत पहुंचाई गई और विद्युत उपभोक्ताओं के लिए बड़े सौभाग्य का दिन रहा जिसके लिए समस्त प्रदेशवासियों को वह बधाई देते है।
प्रैस क्लब अम्ब की नई कार्यकारिणी का चुनाव बुधवार को विश्रामगृह अम्ब में संपन्न हुआ। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए पत्रकार परीक्षित सेखड़ी का नाम पत्रकार संतोष कौशल ने प्रस्तावित किया। इस प्रस्ताव का अनुमोदन पत्रकार अविनाश चौहान ने किया और परीक्षित सेखड़ी के नाम पर क्लब के सभी सदस्यों ने सहमति जता दी। वहीं महासचिव पद के लिए पत्रकार अजय टबयाल को भी सर्वसम्मति से चुन लिया गया। इसके अलावा पत्रकार अश्विनी शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है जबकि पत्रकार संतोष कौशल, गोपाल शर्मा व केहर सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है। सुरेंद्र शर्मा को कोषाध्यक्ष जबकि स्पर्श शर्मा को सहसचिव, कपिल सूद को प्रेस सचिव, अविनाश चौहान को संयुक्त सचिव, राम प्रकाश को मीडिया प्रभारी, सुदीप सरोच को मुख्य सलाहकार व शादी लाल गोस्वामी को प्रेस क्लब अम्ब का मुख्य संरक्षक और पत्रकार अजय ठाकुर व देवेन्द्र सूद को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इसके अतिरिक्त पत्रकार दविंद्र ठाकुर, रजनी शर्मा व विवेक शर्मा सहित अन्य पत्रकारों को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट में प्रधानाचार्य राजीव गौतम की अध्यक्षता में 73 वा गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया।समारोह में विशेष अतिथि विद्यालय समिति व ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के उप प्रधान हेमराज ठाकुर ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण व राष्ट्रीय गान के साथ किया गया। विद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने परेड की, जिसकी सलामी विद्यालय प्रधानाचार्य ने ली। इस कार्यक्रम का मंच संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी विजय चंदेल ने किया एवं गणतंत्र दिवस की जानकारी बच्चों को दी। इस कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान हेमराज ठाकुर, प्रवक्ता महेंद्र कौंडल एवं विद्यालय प्रधानाचार्य राजीव गौतम द्वारा बच्चों को गणतंत्र दिवस के महत्व की जानकारी दी गई।अंत में प्रधानाचार्य हंसराज ने उपस्थित सभी बच्चों और अभिभावकों को गणतंत्र दिवस के सफल आयोजन पर बधाई दी। इस अवसर पर अधीक्षक बलदेव शर्मा,डीपीई भोपाल सिंह,शास्त्री सोहन लाल,जयपाल,तेजेंद्र कुमार,माया देवी,क्षमा देवी,सुनीता,किरण,कामेश्वर सहित अन्य उपस्थित रहे।
सयुंक्त कर्मचारी महासंघ की गूगल मीट के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें 10 नए संगठनों ने शिरकत कर कुल 35 कर्मचारी संगठनों ने बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान सभी कर्मचारी संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष एवं महासचिव ने भाग लिया। इस दौरान संयुक्त कर्मचारी महासंघ की कार्यकारिणी के विस्तार पर चर्चा हुई और यह तय किया गया कि सभी विभागों को महासंघ में जिम्मेदारी दी जाएगी। बैठक के दौरान सभी कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने अपनी अपनी बात रखी और पूर्ण राजत्व दिवस के उपलक्ष पर मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर उसके नफे नुकसान को लेकर सभी ने अपने विचार रखे। बैठक का संचालन महासंघ के महासचिव हीरा लाल वर्मा ने किया और उसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने की। बैठक के दौरान विभागों के नेताओं ने अपने अपने विभाग के कर्मचारियों को हो रहे वेतन आयोग से घाटे के बारे में बताया। यह भी प्रकाश डाला गया के 15% के विकल्प से किस-किस वर्ग को फायदा या नुकसान हो रहा है।चौहान ने कहा के जो कर्मचारी एवं शिक्षक पहले से ही 10300- 34800 वाले पे बैंड या इससे अधिक वाले पे बैंड में थे और 1-10-2012 से उनका वेतनमान या यूँ कहे ग्रेड पे संशोधित हो गया था उनको तो 15% वाले विकल्प से पहले की तुलना में 5000 तक के बेसिक पे मे और कमी आ जाएगी जिससे यह कर्मचारी पंजाब की तुलना में और पिछड़ जाएंगे इसका मतलब यह हुआ कि बाकी के कर्मचारी 15% वाले विकल्प को नहीं सुन पाएंगे। इसके अतिरिक्त 2009 से पहले के कर्मचारी को भी 2.59 वाला फैक्टर ही सूट करेगा यह कर्मचारी भी 15% वाला विकल्प नहीं चुन पाएंगे। तो कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि 15% वाला विकल्प किसी भी तरह से कर्मचारियों को फायदेमंद नहीं होगा जब तक 1-10-2012 से देय संशोधित वेतनमान में 2 साल की शर्त खत्म नहीं की जाती है और साथ में इनिशियल स्टार्ट की बहाली नहीं होती है तब तक हम इसका विरोध करेंगे। वीरेंद्र चौहान ने कहा की हमने 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है यदि हमारे अल्टीमेटम के अनुसार सभी बातों को नहीं माना जाता है तो संयुक्त कर्मचारी महासंघ हजारों कर्मचारियों की मौजूदगी में सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगा।
इंदौरा में स्थित बेरियर चौक के निकट वार्ड नंबर 1 में चोरी का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के सोनिया सम्बंयाल पत्नी मनोज कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने बेटे के उपचार हेतु 19 जनवरी शाम पाँच बजे घर से गई थी और 26 जनवरी को जब दोपहर तीन बजे वापिस आई तो देखा की घर के प्रवेश द्वार का ताला टूटा हुआ था l वहीं जब अंदर जाकर देखा तो स्टोर रूम में रखी अलमारी के ताले को तोड़कर चोरो द्वारा पचीस हजार नगदी, गले के दो सेट, एक जोड़ी कंगन, दो सोने की चेन,दो जेंट्स अंगूठी, सात लेडीज अंगूठी, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी टॉप्स, एक सोने की पौड़ी आदि कीमती सामान और भी सोने चांदी के लाखों रुपयों की कीमत के आभूषनों पर हाथ साफ कर लिया गया था ल वहीं देर शाम डीएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए l डीएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी के मामला की थाना इंदौरा में दर्ज कर लिया गया और पुलिस द्वारा गहनता से मामले की जांच की जा रही है l
डमटाल पुलिस थाना के अंतर्गत एक व्यक्ति से 10 बोतल शराब बरामद की है। जानकारी के मुताबिक थाना प्रभारी हरीश गुलेरिया ने बताया कि पुलिस को गुप्त सुचना मिली थी कि गांव में एक व्यक्ति अवैध शराब का कारोबार कर रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर उक्त व्यक्ति की थाना प्रभारी हरीश गुलेरिया के नेतृत्व में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान व्यक्ति से 10 बोतल देसी शराब बरामद की गई। आरोपी की पहचान सोनू पुत्र सलीम निवासी छन्नी बेली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जसवां-परागपुर के कांग्रेसी नेता सुरिन्दर मनकोटिया ने प्रेस बयान जारी करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार की करनी ओर कथनी में दिन रात का फर्क है। 2017 के चुनावों में भाजपा पार्टी ने आउटसोर्स कर्मचारियों को आश्वासन दिया था कि जैसे ही भाजपा सरकार सत्ता में आएगी तो आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नियमित नीति बनाएंगे। सत्ता हासिल करने के 4 साल बीत जाने के बाद भी इन आउटसोर्स कर्मचारियों की अनदेखी हुई है। प्रदेश सरकार ने इन कर्मचारियों के साथ धोखा किया है। एनपीएस कर्मचारियों को ओल्ड पैंशन स्कीम में लाए जाने के मसले पर, सरकार द्वारा एक कमेटी गठन करने पर प्रश्न खड़ा किया है क्योंकि इस मामले को सिर्फ चुनाव तक टालने के लिए ही कमेटी का गठन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बजट सत्र शुरू होने से पहले पुरानी पेंशन की बहाली प्रदेश में लागू करे और अगर सरकार पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती है तो जैसा कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता बोल चुके हैं, वह अपनी सरकार आने पर इसे बहाल करेंगे। वंही उन्होंने कहा कि सलापड़ में हुआ शराब कांड चौंकाने वाला है। इस कांड से यह बात सच साबित हो रही है कि खनन, वन, शराब, ड्रग माफिया पिछले 4 साल में सरकार के संरक्षण में खूब फल-फूल रहा है। मनकोटिया ने कहा कि हिमाचल में नए उद्योग धंधे और इन्वेस्टर मीट सवालों के घेरे में है।
प्रदेश की जयराम सरकार में अब उनके नेता और कार्यकर्ता उनके नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि प्रदेश में सरकार व प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं और न ही उनके छोटे और बड़े नेताओं को इस नेतृत्व से कोई फर्क पड़ने वाला है। यह बात प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं दरंग विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राकेश चौहान ने जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि कुल्लू में कुछ महीने पहले एसपी कुल्लू के साथ मुख्यमंत्री के सामने ही किस तरह लात घूस्से चले और उसके बाद उन्हीं के सरकार के मंत्री रामलाल मारकंडे के कार्यक्रम में भी इसी तरह की अशोभनीय हरकतें देखी गई। उन्होंने कहा कि सुंदर नगर के विधायक राकेश जमवाल मुख्यमंत्री की वाह वाही करते करते भूल चुके कि हिमाचल प्रदेश के निर्माता और हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ.वाई स परमार और आधुनिक हिमाचल के निर्माता राजा वीरभद्र सिंह जिनका हिमाचल प्रदेश की प्रगति और उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सत्ता के नशे में यह सब कुछ भूल गए हैं। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री की लोकप्रियता का ताजा उदाहरण अभी हाल ही में लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों में प्रदेश की जनता ने दे दिया है। प्रदेश में जब भी कोई सरकार सत्तासीन होती है तो जनता को विश्वास होता है कि प्रदेश को एक अच्छा नेतृत्व और उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप शासन मिले।
ग्राम पंचायत मांगू में देवभूमि क्षत्रिय संगठन व देवभूमि सवर्ण मोर्चा ने सयुंक्त रूप से 26 जनवरी को तिरंगा फहराकर सवर्ण समाज की एकता का परिचय दिया। इस दौरान तिरंगा फहराने के पश्चात राष्ट्र गान में समस्त सदस्यों व पदाधिकारियों मौजूद रहे। जयदेव ठाकुर ने बताया कि मांगू के अलावा विभिन्न स्थानो में आयोजन के दौरान तिरंगा फहराकर सवर्ण समाज की एकता का परिचय दिया गया। समस्त सदस्यों ने एक दूसरे को गणतंत्र दिवस की मिठाई बांट कर शुभकामनाएं दी। उधर, दाड़लाघाट अम्बुजा चोक, क्यारड, दसेरन, चनावग, शिवनगर, घनागुघाट, कुनिहार, खरड़ हट्टी, जयनगर, भूमती, पिपलुघाट सहित अन्य स्थानों में भी तिरंगा फहराया। इस मौके पर पंचायत प्रधान बलदेव ठाकुर, उप प्रधान राजेश पूरी, कृष्ण चन्द भट्टी, बलदेव भट्टी, पवन भट्टी, ललित भट्टी, राजीव भट्टी, श्याम लाल ठाकुर, रामलाल ठाकुर, जयदेव सिंह ठाकुर, चमन ठाकुर, राकेश भारद्वाज, बाबू राम शर्मा, हीरा लाल व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत मांगल में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। ग्राम पंचायत प्रधान उर्मिला देवी ने पंचायत घर के प्रांगण में ध्वजारोहण किया।उसके उपरांत राष्ट्रीय गीत गाया गया। इस मौके उपस्थित लोगों को भारत सरकार के स्वच्छता मिशन तथा पंचायत में किए जा रहे विकास कार्यों से संबंधी जानकारियां दी गई। पंचायत उपप्रधान सीता राम ठाकुर ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पंचायत प्रधान मांगल उर्मिला देवी, उप-प्रधान सीता राम, वार्ड सदस्या निर्मला, पूर्व वार्ड सदस्य समत्याडी हीरा सिंह कंवर, संंन्त राम पंवर मौजूद रहे।
कांगडा के जयसिंहपुर उपमंडल के तहत दारलिंग नेपाल मूल के निवासी ने बुधवार को अपनी पत्नी की हथौड़ा मार कर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार यह व्यक्ति शराब पी कर अपनी पत्नी से झगड़े करता रहता था। इसी के चलते गत रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहां सुनी हुई और वह झगड़े में तबदील हो गई। झगड़े के बीच उसने पथर तोड़ने वाले हथौड़े से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे पत्नी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की मौत के उपरांत उसने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन करके बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो गई है। जब उसके दोस्त उसके कमरे में पहुँचे तो देखा कि उसकी पत्नी खून से लतपत पड़ी है। यह देख कर उसके दोस्तों और रिश्तेदारों को सारी बात समझ में आ गई। यह देखकर लोगों ने ग्राम पंचायत के प्रधान और उपप्रधान सुनील राणा को सूचित किया। उपप्रधान सुनील राणा ने पुलिस थाना लंबागांव को सूचना दी। एसएचओ केसर सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा प्रदेश की भाजपा सरकार ने जयराम ठाकुर ने नेतृव में प्रदेश के 2 लाख 25 हज़ार कर्मचारियों को नए वेतन नियम एवं पे कॉमिशन का लाभ पहुचाया है और साथ ही कर्मचारियों को पूर्व में दो विकल्प दिए गए थे पर अब तीसरे विकल्प देने के बाद ऐसा कर्मचारी वर्ग नए पे कॉमिशन के लाभ से वंचित नहीं रह जायेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को 31% डी ए केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर देने की घोषणा की है इससे सभी कर्मचारियों में खुशी की लहर है। अब हिमाचल के पेंशनरों को भी पंजाब वेतन आयोग के आधार पर लाभ दिया जाएगा इससे 1 लाख 75 हज़ार पेंशनरों को 2000 करोड़ का लाभ होगा। कश्यप ने कहा कि प्रदेश में पुलिस कॉन्स्टेबल ही एक ऐसी श्रेणी है जिसकी नियुक्ति नियमित रूप से की जाती है, बाकि सभी श्रेणियों को अनुबन्ध आधार पर नियुक्त किया जाता है। 2015 से पूर्व नियुक्त कॉन्स्टेबल को 2 वर्ष उपरान्त अगला उच्च वेतनमान दिया जाता था। परन्तु पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान 2015 में कॉन्स्टेबल को उच्च वेतनमान मिलने की अवधि को 2 वर्ष से बढ़ाकर 8 वर्ष कर दिया गया था। कॉन्स्टेबल की मांग पर विचार के बाद अब जयराम सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि 2015 के बाद नियुक्त कॉन्स्टेबल को अन्य श्रेणियों की तर्ज पर समान कार्यकाल उपरान्त उच्च वेतनमान के लिए पात्र माना जाएगा। जो कॉन्स्टेबल उच्च वेतनमान के लिए पात्र हो गए हैं, उन्हें पूर्व संशोधित स्केल के अनुसार उच्च वेतनमान का लाभ तुरन्त प्रभाव से दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख एल. मंडाविया से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से पहाड़ी क्षेत्रों में प्रतिक्रिया समय कम करने के लिए 50 एम्बुलेंस स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को राज्य में आशा कार्यकर्ताओं की कमी के बारे में अवगत करवाया और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (एनयूएचएम) के तहत 58 आशा कार्यकताओं तथा राज्य के शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल में और गुणवत्ता लाने के लिए गैर एनयूएचएम घटक के तहत 176 आशा कार्यकर्ताओं के पद स्वीकृत करने का आग्रह किया। जयराम ठाकुर ने राज्य को बल्क ड्रग पार्क प्रदान करने का भी आग्रह किया, जिससे औद्योगिकरण को बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी राज्य के विभिन्न मुद्दों पर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह और प्रधान आवासीय आयुक्त सुशील कुमार सिंगला भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने नई दिल्ली में केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ बैठक की। बैठक में केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय रेल मंत्री से राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाईन के कार्य को गति देने के लिए हर प्रयास कर रही ताकि इसे शीघ्र पूरा किया जा सके। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से इस रेलवे लाईन के कार्य में तेजी लाने का आग्रह करते हुए कहा कि इस लाईन का लेह तक विस्तार करना सामरिक दृष्टि से भी बहुत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने अवगत करवाया कि इस लाईन का पूर्ण सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और इस मामले में आगामी कार्यवाही का आग्रह किया। जयराम ठाकुर ने बद्दी-चंडीगढ़ रेल लाईन पर शीघ्र कार्य आरम्भ करने का भी आग्रह किया और बताया कि हिमाचल प्रदेश की ओर से भूमि अधिग्रहण का कार्य किया जा चुका है। यह बद्दी-अमृतसर-कोलकाता गलियारे से जुड़ने और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायक होगा। उन्होंने बद्दी की ओर से कार्य शुरू करने का आग्रह किया क्योंकि यहां सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने जगाधरी-पांवटा साहिब रेल लाईन के सर्वेक्षण का भी आग्रह किया जो कि काला अम्ब औद्योगिक क्षेत्र को बद्दी-अमृतसर-कोलकाता गलियारे से जोड़ने में सहायक होगा। उन्होंने रेल मंत्री से कालका-शिमला रेल ट्रैक को स्तरोन्नत करने का आग्रह किया क्युकी इस टेªन की गति बहुत धीमी है। उन्होंने कहा कि टेªन में नए कोच जोड़े जाने चाहिए, क्योंकि मौजूदा कोच बहुत पुराने हैं। केन्द्रीय रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाईन को शीघ्र पूरा करने के लिए राशि बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्टेट-ऑफ आर्ट ट्रेन को पीपीपी मोड पर आरम्भ करने का प्रस्ताव भेजने को भी कहा। उन्होंने कहा कि राज्य की मांगों को पूरा करने के लिए सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय शीघ्र ही ऊना-हमीरपुर रेल लाईन के लिए राज्य को प्रस्ताव भेजेगा। बैठक में अनुराग सिंह ठाकुर ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए और ऊना हमीरपुर रेल लाईन पर शीघ्र कार्यवाही करने का आग्रह किया। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह और प्रधान आवासीय आयुक्त सुशील कुमार सिंगला भी बैठक में उपस्थित थे।
गणतंत्र दिवस के मौके पर बीएसएफ को एक बड़ी सौगात मिली है। पाकिस्तान से सटे सर क्रीक एरिया और बांग्लादेश से सटे सुंदरबन में सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए बीएसएफ को तीन नई फ्लोटिंग-बीओपी मिल गई हैं। कोच्चिन शिपयार्ड ने इन जहाज-नुमा फ्लोटिंग बीओपी का निर्माण किया है और 26 जनवरी को शिपयार्ड ने इन बीओपी को बीएसएफ सौंप दिया। बीएसएफ के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने कोच्चिन शिपयार्ड को कुल नौ फ्लोटिंग-बीओपी यानी पानी में तैरने वाली बॉर्डर आउट पोस्ट बनाने का ऑर्डर दिया था। तीन-तीन के खेप में इन बीओपी का निर्माण होना था। 26 जनवरी को शिपयार्ड ने दूसरी खेप बीएसएफ को सौंप दी। 26 जनवरी को मिली खेप के बाद बीएसएफ के पास अब कुल 12 फ्लोटिंग बीओपी हो गई हैं। जल्द ही तीन और फ्लोटिंग बीओपी मिलने की उम्मीद है। ये सभी 12 फ्लोटिंग बीओपी सुंदरबन और सर क्रीक एरिया में तैनात करने के लिए तैयार कराई गई थीं। इनमें से 6 सुंदरबन के लिए हैं और छह ही सर क्रीक एरिया के लिए।
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेशों की अनुपालना करते हुए जिला कांगड़ा में दो महीनों के लिए नायलन पीतल के मिश्रण से बने पक्के धागों, चाइनिज मांझा, शीशे के मिश्रण से बने धागों के इस्तेमाल तथा बिक्री पर रोक लगा दी गई है। इस बाबत जिला दंडाधिकारी डॉ निपुण जिंदल ने धारा-144 के तहत आदेश जारी करते हुए कहा कि 22 जनवरी को इंदौरा में पतंग उड़ाने में मांझे के प्रयोग से एक व्यक्ति की नाक में गंभीर चोट आने की खबर सामने आई। जिसके चलते ही अब कांगड़ा जिला में नायलन पीतल के मिश्रण से बने पक्के धागे, चाइनिज मांझा, शीशे के मिश्रण से बने धागोें की बिक्री तथा उपयोग पर आगामी दो महीनों के लिए तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी गई है। चाइनिज मांझा तथा पक्का धागे के कारण पक्षियों को भी नुक्सान पहुंचने की संभावना बनी रहती है यह धागा पर्यावरण की दृष्टि से भी हानिकारक है। जिलादंडाधिकारी डॉ निपुण जिंदल ने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने पर धारा-188 के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए संबंधित उपमंडलाधिकारियों तथा तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए प्राधिकृत किया गया है। इसके साथ ही खाद्य आपूर्ति विभाग को भी इन धागों की बिक्री संबंधी रोक के आदेशों को लेकर दुकानों का नियमित निरीक्षण करने के लिए कहा गया है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी दौर लगातार 4 दिन तक जारी रहा हैं। बुधवार शाम तक प्रदेश में 417 सड़कें और 253 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। वहीं 106 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। बर्फबारी के चलते प्रदेश के जिला कुल्लू, किन्नौर, लाहौल, चंबा और शिमला में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बता दें कि सबसे ज्यादा 152 सड़कें लाहौल-स्पीति जिले में बंद हैं। वहीं शिमला में 115 और चंबा जिले में 53 सड़कें ठप हैं। बुधवार को रोहतांग समेत प्रदेश के अन्य उच्च पर्वतीय भागों में फिर बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला में बीते दिन भी हल्की बारिश-बर्फबारी दर्ज की गई है। लगातार जारी बर्फबारी से पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 27 से 30 जनवरी तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि कुछ मैदानी भागों में 27 जनवरी को कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अर्जुन अवार्डी और पदमश्री चरणजीत सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने ऊना में अपने घर पर सुबह पांच बजे अंतिम सांस ली। बता दें कि शाम चार बजे स्वर्गधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भारतीय हॉकी टीम की कमान संभालते हुए ऊना के मैड़ी के रहने वाले चरणजीत सिंह ने देश को ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलवाया था। उनके निधन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने ट्ववीट कर कहा, "ऊना से संबंध रखने वाले पूर्व हॉकी खिलाड़ी और 1964 ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे, पद्मश्री व अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित चरणजीत सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। हिमाचल का गौरव बढ़ाने में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें।" गौरतलब है कि ऊना के मैड़ी में 3 फरवरी 1931 को जन्मे चरणजीत सिंह ने टोक्यो ओलंपिक 1964 में इतिहास रचा था। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम ने इस ओलंपिक में स्वर्ण जीता था। चरणजीत सिंह हिमाचल के एक ही ऐसे खिलाड़ी है जिन्होंने ने भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी संभाली है। टोक्यो ओलंपिक 1964 में ऊना के चरणजीत सिंह को टीम इंडिया की कप्तानी मिली थी। टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए इस ओलंपिक में देश को गोल्ड मेडल दिलाया था।
ग्राम पंचायत लंबागांव में गणतंत्र दिवस मनाया गया। यहां पंचायत में सीमित कार्यक्रम के तहत करीब 25 लोग उपस्थित रहे और बीडीसी अनिता सूद और उपप्रधान हरिदास की अगुवाई में तिरंगा फहराया गया। यहां पर कुछ बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां भी दी जिसमें सक्षम कौंडल ने वीररस से भरी कविता, सोना चौहान ने गणतंत्र दिवस पर भाषण तथा राहिका ने देशभक्ति गीत पर नृत्य करके अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान देवभूमि ईंस्पायर ग्रुप संगठन के माध्यम से बच्चों को अशोक शर्मा, समिति सदस्य अनिता सूद, मेहर सिंह, और जगदीश ने, मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान समाजसेवी अरुण वर्मा, बार्ड सदस्य विरेंद्र लगवाल, वार्ड सदस्य सोमा देवी, वार्ड सदस्य संतोष कुमारी और कुछ ग्रामवासी उपस्थित रहे। इस दौरान अपने निजी कार्य से बाहर गये पंचायत प्रधान सुमन मैहरा ने सबको फोन के माध्यम से बधाई दी।
देश के 73वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के टी ओ टी स्कूल, धरमपुर द्वारा बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम टी ओ टी स्कूल, धरमपुर के प्राचार्य आशीष गुरुंग, दितीय कमान अधिकारी ने प्रातः काल क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली और राष्ट्रीय धवज को फहराया। तदोपरांत देश को अपने अदम्य साहस और सेवा से गौरान्वित करने वाले केंदीय रिजर्व पुलिस बल के अलंकृत 98 कार्मिकों जिसमे शौर्य चक्र (मरणोपरांत) - 04, शौर्य चक्र 02, वीरता के लिए पुलिस पदक (मरणोपरांत) - 03, वीरता के लिए पुलिस पदक 27, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक 05 और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक का नाम पढ़ कर सुनाया | तत्पश्चात प्रचार्य द्वारा उपस्थित सभी कार्मिकों को आज के दिन के महत्त्व, भारतीय संविधान के इतिहास के बारे में बताया गया। आखिर मे सभी कार्मिकों से देश मे शांति व्यवस्था बनाये रखने और देश के संविधान को अक्षुण बनाये रखने के लिए हमेशा तत्पर रहने एवं जाति, धर्म और संप्रदाय से उपर उठकर एकजुट होकर देश की सुरक्षा और विकास के लिए कार्य करने का सन्देश दिया गया।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते गाँव बड़ा के निवासी विकास सुपुत्र विपिन कुमार द्वारा पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई कि उसका स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जिसका नंबर एचपी36D 8166 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी है जिससे इसकी मोटरसाइकिल का भारी नुकसान हुआ है। जानकारी पाते ही मौके पर पहुंची देहरा पुलिस ने उक्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने कहा कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है।
आम आदमी पार्टी विधानसभा क्षेत्र नादौन के कार्यकर्ताओं ने गणतंत्र दिवस को धूमधाम से मनाया। इस दौरान पार्टी द्वारा नादौन में दिल्ली मॉडल के कैलेंडर को जनता और दुकानदारों को वितरित किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं कहा कि ने आम आदमी पार्टी ने जन-जन तक मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाने का प्रण लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आम आदमी पार्टी की नीतियों का अनुसरण करना शुरु कर दिया है। जिसका ताजा उदाहरण 60 यूनिट बिजली मुफ्त में देने का एलान है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ये सब आम आदमी पार्टी द्वारा लड़ी गई लड़ाई का ही फल है। इस दौरान आज आम आदमी पार्टी नादौन के अध्यक्ष विकास डोगरा, संगठन मंत्री मनोज कुमार, राज्य ओबीसी संगठन मंत्री शैंकी ठुकराल, उपाध्यक्ष विपन कुमार,सह सचिव सेठी कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष रबि कुमार स्याल, ओबीसी अध्यक्ष अश्विनी कुमार, किसान मोर्चा अध्यक्ष रवि कुमार तथा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 73वां गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ परविंदर कौशल द्वारा तिरंगा फहराने से हुई। इस वर्ष सरकारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए इस कार्यक्रम में सीमित संख्या में ही लोग शामिल हुए। इस कार्यक्रम में सामाजिक दूरी का पूरा पालन किया गया और यह सुनिश्चित किया गया की सभी ने मास्क पहना हो। इस कार्यक्रम में डॉ कौशल ने अपने संबोधन में देश के स्वतंत्रता सेनानियों को उनके निस्वार्थ बलिदान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष और भारतीय संविधान के मुख्य वास्तुकार डॉ भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विद्यार्थियों और कर्मचारियों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कर्तव्य दायी और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होनें कोरोना महामारी के प्रसार को कम करने के लिए सरकार और स्वास्थ्य संगठनों द्वारा समय समय पर जारी किए जा रहे दिशा निर्देशों का सख़्ती से पालन करने की अपील की ताकि सब सुरक्षित रह सके। एक वीडियो संदेश के माध्यम से कुलपति ने छात्रों और संकाय को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एनसीसी ऑफिसर सहित हर विभाग के प्रतिनिधियों और नौणी पंचायत के प्रधान ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन प्रदान करने की दिशा में प्रदेश सरकार पूर्ण रूप से सफल रही है। विपिन सिंह परमार ने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र को रसायनमुक्त बनाने तथा महिला सशक्तिकरण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में मज़बूती के साथ आगे बढ़ रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने इससे पूर्व राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस एवं गृह रक्षा द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक पंकज सन्धू ने परेड का नेतृत्व किया। उन्होंने कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों की और से शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि भी अर्पित की। विपिन सिंह परमार ने सवतन्त्रता सेनानियों और सैनिकों को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए इनके जीवन से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आजा़दी का अमृत महोत्सव, पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयन्ती समारोह और गणतन्त्र दिवस जैसे समारोह हमें देशहित में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। विपिन सिंह परमार ने कहा कि कोविड-19 समय में चिकित्सकों, पैरा मेडिकल कर्मियों तथा फ्रंट लाईन कार्यकर्ताओं के सहयोग से हिमाचल ने टीकाकरण में देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोविड से बचाव के लिए नियम पालन करें। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार जन-जन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए नवीन योजनाएं कार्यान्वित कर रही है। आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना शुरू की गई है। योजना के अंतर्गत 5 लाख 13 हजार परिवार पंजीकृत हैं और सरकार द्वारा 2 लाख 17 हजार लोगों को मुफ़्त इलाज की सुविधा प्रदान करने पर लगभग 200 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष प्रो.वीरेन्द्र कश्यप, जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, पर्यटन विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद, नगर निगम सोलन की अध्यक्ष पूनम ग्रोवर, पार्षद, बघाट बैंक के उपाध्यक्ष संजीव सूद, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रत्न सिंह पाल, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डाॅ. राजेश कश्यप, बघाट बैंक के पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, महामन्त्री भरत साहनी, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त ज़फ़र इकबाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, पुलिस उपअधीक्षक रमेश शर्मा, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
73वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शिमला के ऐतिहासिक रिज पर राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। राज्यपाल ने इस अवसर पर परेड का निरीक्षण किया और परेड कमांडर 2 नागा रेजिमेंट जतोग के कैप्टन गुरदेव सिंह के नेतृत्व में भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनकी धर्मपत्नी डाॅ.साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे। मार्च पास्ट में सेना, भारत तिब्बत सीमा पुलिस, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस, राज्य पुलिस, गृह रक्षक, अग्निशमन सेवाएं और हिमाचल प्रदेश डाक सेवाएं, आपदा प्रबन्धन, पूर्व सैनिक, एनसीसी व एनएसएस इत्यादि के कैडेट्स शामिल थे। गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की विकासात्मक गतिविधियों को दर्शाती झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। नागा रेजिमेंट की ओर से प्रस्तुत ड्रिल भी सराहनीय रही। बर्फबारी और खराब मौसम के चलते सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शिमला के गेयटी थियेटर में किया गया। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने कोविड महामारी से संबंधित एक जागरूकता कार्यक्रम और लघु नाटिका प्रस्तुत की। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र (पंजाब) के कलाकारों ने भांगड़ा और जिन्दुआ की प्रस्तुती दी, जोकि सभी के आकर्षण का केन्द्र रही। ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झांकियों को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। नगर निगम शिमला को दूसरा और शिक्षा विभाग की झांकी को तीसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में पुरस्कार प्रदान किए। राज्यपाल ने सरकारी क्षेत्र में महात्मा गांधी स्वास्थ्य सेवा संस्थान खनेरी रामपुर को तथा लाॅयन रियोन डायलेसिस एवं हेल्थ केयर सेंटर न्यू शिमला को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के बेहतर संचालन के लिए सम्मानित किया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर ऐतिहासिक ठोडो मैदान में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभूतियों को सम्मनित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री जन धन योजना के अन्तर्गत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन तथा साई संजीवनी अस्पताल सोलन को सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कोविड-19 समय में बेहतर कार्य करने के लिए नागरिक अस्पताल बद्दी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अनिल अरोड़ा, एमओएच डाॅ. मुक्ता रस्तोगी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ के मेल हैल्थ सुपरवाईजर चेत राम और मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन के कार्यालय में तैनात लिपिक ललित कुमार को सम्मानित किया। उन्होंने अनुकरणीय सेवाओं के लिए पुलिस विभाग सोलन के उप पुलिस निरीक्षक शेर सिंह, उप पुलिस निरीक्षक संजय कुमार, विशेष जांच इकाई सोलन के प्रभारी सहायक पुलिस उप निरीक्षक संजीव कुमार, सहायक पुलिस उप निरीक्षक अतर सिंह, मुख्य आरक्षी परमेश कुमार, आरक्षी रोशनी, आरक्षी अनुराधा, गृह रक्षक रविन्द्र कुमार तथा यातायात पुलिस में सोलन में तैनात देवेन्द्र चैहान को सम्मानित किया। विपिन सिंह परमार ने प्रशामक विनोद कुमार, प्रशामक निरंजन, प्लाटून कमांडर राधेश्याम, प्रशामक राम लोक, गृह रक्षक नगीन चन्द तथा गृह रक्षक ईशान ठाकुर को प्रशंसनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया। उन्होंने प्रगतिशील किसान सरयांज के रमेश ठाकुर, नयाग्राम के गौरी दत्त, मंझौली के जय किशन, जौणाजी के शैलेन्द्र शर्मा, तुन्दल के राजेेश ठाकुर और बरोटीवाला के विश्वनाथ को सम्मानित किया। उन्होंने दामकड़ी के प्रगतिशील बागवान मनदीप वर्मा और कोठी देवरा के प्रगतिशील बागवान तेजेश्वर ठाकुर को भी सम्मानित किया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने धर्मशाला रोपवे के आनन फ़ानन में किए गए उद्घाटन और चार दिन बाद इसे बंद कर दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब रोपवे पूरी तरह तैयार नहीं था तो उद्घाटन करवा कर मुसाफ़िरों की जान को ख़तरे में क्यूँ डाला गया। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है की रोपवे यातायात के लिए 100% फ़िट नहीं था। यह काम केपीसटी पर चल रहा था और टेस्ट फेल हो चुका था, जिसे सबसे छुपाया गया। इस बात को रोपवे (टाटा) कम्पनी जानती थी कि रोप जोआइंट ठीक करने के लिए इसे बंद करना पड़ेगा, जिस बात को उन्होंने गुप्त रखा। रोपवे के साथ करार में यह शर्त थी कि एक हज़ार व्यक्ति एक घंटे में सफ़र करेंगे पर रोपवे मात्र 650 लोगों की ही कपेसीटी रखता है। उन्होंने कहा कि इन सब बातों से पता चलता है कि जहाँ एक तरफ़ टाटा रोपवे कंपनी की लापरवाही रही है वहीं दूसरी तरफ़ सरकार ने सिर्फ़ अपना फटा लगाने के लिए इतने बड़े प्रोजेक्ट को गंभीरता से नहीं लिया, जिस वजह से कई लोगों की ज़िंदगी को दाँव पर लगाया गया है।
हिमाचल प्रेदश राज्य विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष व महामन्त्री ने हिमाचल के कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग में पंजाब की तर्ज पर तीनों विकल्प देने के लिये हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से यह भी आग्रह किया है कि 1 अक्टूबर 2012 की अधिसूचना के आधार पर जो पंजाब के अनुरूप हायर ग्रेड पे हिमाचल में दिया गया था उसमें दो वर्ष का प्रोवेशेन/राइडर हिमाचल में कुछ श्रेणियों में लगाया गया है उस पर भी जल्द निर्णय करें। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष दूनी चंद ठाकुर ने प्रदेश सरकार से यह मांग भी की है कि बोर्ड व निगमों के कर्मचारियों को भी जल्द संशोधित वेतनमान देने के आदेश जारी करें।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विद्यानन्द सरैक और ललिता वकील को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित करने पर बधाई दी है। अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की यह दोनों विभूतियां चैथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री के लिए चयनित हुई हैं और इन दोनों का ही अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्बा से संबंध रखने वाली ललिता वकील गत 50 वर्षों से चम्बा रूमाल के उन्नयन में जुटी हुई हैं और यह सम्मान न केवल उन्हें बल्कि चम्बा जिला की पारम्परिक चम्बा रूमाल कला को भी एक नई पहचान देगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि विद्यानन्द सरैक विभिन्न विधाओं में पारंगत विभूति हैं जो पिछले पांच दशकों से पहाड़ी संस्कृति को संरक्षित और प्रचलित करने में अपना योगदान देते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यानन्द सरैक ने अनेक लोकगीत, नाटियां और लोक साहित्य की रचना की है। मुख्यमंत्री ने दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हिमांशु मिश्रा को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल से पुरस्कृत करने पर बधाई दी है। उन्होंने बेहतरीन सेवाओं के लिए पुलिस मेडल से सम्मानित चार अन्य पुलिस अधिकारियों जिनमें पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रंजना चैहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार शर्मा, निरीक्षक लक्ष्मण कुमार और सहायक उप निरीक्षक जगदीश चन्द को भी बधाई दी है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने सरकार के फैसलों पर बयान जारी करते हुए कहा की "घोषणावीर" जयराम ठाकुर सरकार ने 4 साल तक जनता की जेब काटी और अब ये चुनावी स्टंट कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली में सरकार बनते ही बिजली हाफ और पानी माफ का फ़ैसला लिया गया था। जिसमे और सुविधा जोड़ कर आज भी जनता को दिया जा रहा है। पार्टी ने जनता की भलाई को चुनाव से कभी नही जोड़ा। केजरीवाल सरकार पांचो साल रात दिन जनता के लिए काम करती है, न की सिर्फ चुनावी साल में। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस विभाग की गांधीगिरी के सरकार को झुकना ही पड़ा। उम्मीद है सरकार अपने किये वादों पर खरी उतरेगी| उन्होंने जयराम ठाकुर सरकार पर तंज करते हुए कहा कि बिजली कंपनिया आज भी घाटे में है। जिसकी दुहाई देते हुए जनता को सस्ती बिजली से कई सालों तक महरूम रखा गया।
जसवां-परागपुर विधानसभा के तहत पड़ते लोअर भलवाल में देहरा पुलिस ने एक दुकान से 108 पेटी देसी शराब मार्का बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। देहरा पुलिस इन दिनों एक्शन मोड़ में है जहां पुलिस जगह-जगह जाकर दबिश दे रही है इसी बीच बुधवार को डीएसपी देहरा अंकित शर्मा के निर्देशानुसार एसएचओ देहरा कुलदीप कुमार के नेतृत्व में तमाम पुलिस दल बल एएसआई राजीव, हेड कॉन्स्टेबल राजीव, राजेश, रोहित, पुष्पिंदर ने उक्त स्थान पर दबिश दी और इसी बीच देसी शराब की अवैध 108 पेटी बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। बताया जा रहा है कि यह शराब की पेटियां लोअर भलवाल में किसी दुकान में छुपाई हुई थी इस बात की जानाकरी पाते ही देहरा पुलिस ने उक्त स्थान पर छापा मार कर अवैध शराब की बोतलें बरामद कर ली है। सूचना के मुताबिक पूरे प्रदेश में इन दिनों पुलिस शराब के ठेकों की जांच करने में जूटी हुई है। बीते दिवस कांगड़ा के पालमपुर से भी हजारों शराब की पेटियां पुलिस ने बरामद की थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह शराब जमबल नामक स्थान के ठेके की है जिसे लोअर भलवाल में लाकर छुपाया गया था। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि देहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वंही डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने कहा कि ठेके के कर्मचारी के खिलाफ मुक़दमा दर्ज कर लिया गया है।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में कोरोना महामारी के चलते ऑनलाइन माध्यम से 73वां गणतन्त्र दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरषोतम लाल, उपप्रधानाचार्य किरण लेखा, विद्यालय समन्वयक रामेश्वर कुमार, एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा, एनसीसी प्रभारी अमर देव, शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे I गौरतलब है कि विद्यालय में एनएसएस तथा एनसीसी के मौजूद छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने घरों से जुड़कर गणतंत्र दिवस पर भाषण, कविता के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किये और देशभक्ति गीत गाये। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर सभी बच्चों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और अपने वक्तव्य में कहा कि हमे अपने सविंधान के नियमो का पूरी निष्ठा के साथ पालन करना चाहिए तथा देश सेवा के कार्यो में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
कोरोना महामारी के चलते प्रसासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए विकासखण्ड कुनिहार की समस्त पंचायतों में तिरंगा फहराकर गणतन्त्र दिवस मनाया गया। कुनिहार पँचायत में प्रधान राकेश ठाकुर, हाटकोट पँचायत में प्रधान जगदीश अत्री,कोठी पँचायत में प्रधान बलबिंद्र कौर ने तिरंगा फहराया। सभी पंचायतों ने कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सूक्ष्म रूप में कार्यक्रम किए व गणतन्त्र दिवस की सभी पँचायत वासियों को बधाई दी। इस मौके पर सभी उप प्रधान व सदस्य मौजूद रहे।
डीएवी आलमपुर ज़िला काँगड़ा द्वारा देश का 73वां गणतंत्र दिवस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पूरे जोश के साथ मनाया गया। कक्षा पहली से बारहवीं तक के छात्र -छात्राओं द्वारा देशभक्ति का औचित्य दर्शाते हुए पोस्टर मेकिंग अनुच्छेद व कविता-लेखन कियाl साथ ही देश भक्ति से ओतप्रोत गीत-गायन ऑनलाइन एक-दूसरे के साथ साँझा किए गए। छात्रों ने अपनी देशभक्ति का परिचय देते हुए हिंदी व अंग्रेज़ी भाषा में नारा-लेखन कियाl इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बिक्रम सिंह ने बच्चों व अभिभावकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जिन वीरों ने अपने देश की आन-वान व शान के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया था उन के प्रति हमें सम्मान व कृतज्ञता का भाव प्रकट करना चाहिएl
डी.ए.वी. स्कूल आलमपुर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस व राज्यत्व दिवस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मनाया गया। बच्चों द्वारा पूर्ण राज्यत्व व मतदाता दिवस के बारे में जानकारी साझा करते हुए इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएंँ व रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गई। इस अवसर पर कक्षा एल.के.जी. से लेकर 12वीं तक के छात्र -छात्राओं ने हिमाचल प्रदेश की संस्कृति, प्रकृति व राजनीतिक गतिविधियों को प्रस्तुत करते हुए नारा -लेखन, पोस्टर मेकिंग व लोक -नृत्य आनलाईन माध्यम से प्रर्दशित किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य बिक्रम सिंह ने छात्र -छात्राओं को राज्यत्व दिवस व मतदाता दिवस पर बधाई देते हुए हिमाचल प्रदेश की संस्कृति व मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपने देश व प्रदेश के प्रति कर्त्तव्य का निर्वाह करने हेतु प्रेरित किया।
ब्रांच कार्यालय दाड़लाघाट में श्री राम ट्रांसपोर्ट फाइनेंस कंपनी ने क्षेत्र के मेधावी स्कूली विद्यार्थियों को स्कालरशिप राशि बांटी। क्षेत्र के 7 विद्यार्थियों को स्कालरशिप और प्रमाण पत्र देकर इसकी शुरुआत की गई। कोरोना नियमों का पालन करते हुए श्री राम ट्रांसपोर्ट कंपनी के शाखा प्रबंधक संजय कुमार राणा ने छात्राओं को पुरस्कृत किया। कंपनी वर्ष 2014 से ही प्रथम श्रेणी और उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को तीन हजार से 35 सौ रुपये तक की स्कालरशिप राशि देकर सम्मानित करती है। इस बार दाड़लाघाट क्षेत्र के 175 स्कूली बच्चों को सीधे यह राशि उनके खातों में ट्रांसफर की गई है। इस मौके पर कलेक्शन मैनेजर मनोज कुमार, रिकवरी हेड राम लाल, ब्रांच टीम लीडर अमित कुमार, विवेक कुमार, सनी कुमार, रोहन भारद्वाज सहित अन्य मौजूद रहे।
संसारपुर टेरेस टोल बैरियल पर मंगलवार को प्रशासन द्वारा बिना मास्क घूम रहे लोगों के कोरोना टेस्ट किये गए। ज्ञात रहे कि जिला कांगड़ा में कोरोना केस के आंकड़ों में इजाफा होने के कारण प्रशासन सख्त हो गया है इसी बीच स्थानीय प्रशासन द्वारा कोरोना नियमों की अवेहलना करने वालो से सख्ती से निपटा जा रहा है। संसारपुर टेरेस टोल बैरियल पर बिना मास्क यात्रा कर रहे लोगों के करोना टेस्ट प्रशासन द्वारा किए गए। बिना मास्क घूम रहे लोगों के डाडा सीबा हॉस्पिटल टीम द्वारा कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। आपको बता दें कि प्रदेश में कोरोना के आंकड़े बढ़ते हुए देख यह कदम प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उठाये जा रहे हैं। इस मौके पर बीएमओ डॉक्टर सुभाष ने बताया हेल्थ टीम डाडा सीबा द्वारा लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं ताकि कोरोना संक्रमण से सबको बचाया जा सकें। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग डाडा सीबा व संसारपुर टेरेस पुलिस दोनों के सहयोग से 53 लोगों के कोविड-19 के टेस्ट किए गए जिसमें एक व्यक्ति इस दौरान कोरोना पॉजिटिव पाया गया जिसे होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई व स्वास्थ्य विभाग मरीज को दवाइयां भी उपलब्ध करवाएगा।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला किन्नौर के अध्यक्ष योगराज (योगी बईरयान) ने कहा कि अश्विनी ठाकुर के नेतृत्व में जो बैठक हुई उसमें कल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आश्वासन दिया था कि कर्मचारियों को घबराने की जरूरत नही है। कर्मचारियों के हितों के साथ कुठाराघात नही किया जाएगा और आज प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कर्मचारियो को 3 प्रतिशत अतिरिक्त DA का ऐलान कर उन्हें अधिकारियों को मिले 31 प्रतिशत DA के समकक्ष लाया है। इस एलान के बाद हिमाचल के सभी कर्मचारियों को भी अब 31% DA देय तिथि से दिया जाएगा। योगी ने कहा कि पे कमीशन लागू होने के बाद विसंगतियों से नाराज और 15 प्रतिशत की वृद्धि का तीसरा विकल्प मांग रहे कर्मचारियो को भी मुख्यमंत्री ने तीसरा विकल्प देने का ऐलान किया है। वही मुख्यमंत्री ने इस बात का भी ऐलान किया कि सरकार किसी भी कर्मचारी को पे कमीशन लागू होने के बाद आर्थिक नुकसान नहीं होने देगी। उन्होंने राज्य के कर्मचारियों को यह भी आश्वासन दिया कि अगर तीसरे विकल्प के बाद भी किसी भी कर्मचारी को कोई नुकसान होता है तो सरकार ऐसे मामलों पर नए सिरे से विचार करेगी। राज्य के 1 लाख 75 हजार पेंशन धारकों को अब पंजाब पे कमीशन के तहत मिलने वाले लाभ दिए जाएंगे। योगराज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर कर्मचारियों को सौगात दी है। इसके लिये जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ किन्नौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया तथा साथ ही प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी का भी आभार प्रकट किया।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की सोलन-चिंतपूर्णी रूट पर चलने वाली सोलन डिपो की बस एचपी-64ए-4157 मंगलवार सुबह धुन्दन में सड़क के साथ एक दुकान में जाकर टकरा गयी। गनीमत ये रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार के जानमाल का कोई नुकसान नही हुआ। हादसे में बस का चालक और बस में बैठी कुछ सवारियों को चोटें आई है। लोगों को धुन्दन पीएचसी में उपचार दिया जा रहा है जबकि 8 घायल यात्रियों को सीएचसी अर्की में रेफर कर दिया गया है। फिलहाल दाड़लाघाट पुलिस मौके पर पहुँचकर कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना दाड़लाघाट के अंर्तगत धुन्दन के पास हिमाचल पथ परिवहन बस निगम की बस सोलन से चिंतपूर्णी जाते समय धुन्दन के पास एक दुकान में जाकर टकरा गई। बस के टकराव के बाद बस में बैठी सवारियों को हल्की फुल्की चोटें आई है। लेकिन टकराव के बाद किसी को कोई जानमाल का नुकसान नही हुआ है। डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि बस में बैठी लगभग 30 सवारियां थी जिनमें 18 सवारियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें पीएचसी धुन्दन में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। जबकि 5 घायल यात्रियों को सीएचसी अर्की रेफर करके उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बस के चालक के खिलाफ तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उपायुक्त, डॉ. निपुण जिन्दल ने मतदाताओं को मतदान किए जाने के लिए शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 25 जनवरी का दिन प्रत्येक वर्ष मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक व्यक्ति को मतदान का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि मतदान हमेशा निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी अन्य प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करना चाहिए। कोविड-19 की महामारी के दृष्टिगत इस बार कम लोगों के साथ संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें अधिकतम कार्यक्रम को प्रौजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। इस दौरान मतदाता जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यातिथि द्वारा नए पंजीकृत मतदाताओं को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त राहुल कुमार, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी रोहित राठौर, उपमण्डलाधिकारी (नागरिक) शिल्पी बेक्टा, नायब तहसीलदार निर्वाचन मनविन्द्र सिंह, प्रधानाचार्य रावमापा कोटला संदीप अवस्थी उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि हिमाचल के राजयत्व दिवस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऐतिहासिक घोषणाएं की है उसके लिए उनका आभार एवं धन्यवाद। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार निरंतर सभी वर्गों का ख्याल रखते हुए आगे बढ़ रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने जयराम ठाकुर ने नेतृव में प्रदेश के 2 लाख 25 हज़ार कर्मचारियों को नए वेतन नियम एवं पे कॉमिशन का लाभ पहुचाया है और साथ ही कर्मचारियों को पूर्व में दो विकल्प दिए गए थे पर अब तीसरे विकल्प देने के बाद ऐसा कोई कर्मचारी वर्ग नए पे कॉमिशन के लाभ से वंचित नहीं रह जायेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को 31% डीए केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर देने की घोषणा की है इससे सभी कर्मचारियों में खुशी की लहर है। अब हिमाचल के पेंशनरों को भी पंजाब वेतन आयोग के आधार पर लाभ दिया जाएगा इससे 175000 पेंशनरों को 2000 करोड़ का लाभ होगा।
हिमाचल प्रदेश के 51वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के उप्लक्ष पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। सोलन के ठोडो मैदान में आयोजित पूर्ण राज्यत्व दिवस के राज्यस्तरीय समारोह में बतौर कार्यक्रम में मुख्यातिथि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संशोधित वेतनमान के लिए कर्मचारियों को दो विकल्प दिए गए हैं, अब इसके अलावा उन्हें एक अन्य विकल्प दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त यदि कोई कर्मचारी वर्ग इससे वंचित रहता है तो पुनर्विचार करके समाधान किया जाएगा। वंही हिमाचल के पेंशनरों को पंजाब के वेतन आयोग के आधार पर पेंशन लाभ दिए जाएंगे। इससे लाखों पेंशनरों को लाभ मिलेगा। इस दौरान सीएम जयराम ने घोषणा की कि राज्य सरकार के कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर 31 फीसदी डीए दिया जाएगा। वंही 2015 के बाद नियुक्त पुलिस कांस्टेबलों को अन्य श्रेणियों की तरह समान वेतनमान दिया जाएगा। इसके लिए विस्तृत निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे। इस उप्लक्ष पर सीएम जयराम ने हिमाचल प्रदेश के निर्माता एवं प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश को पूर्व राज्य का दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सीएम ने कहा कि हिमाचल की जनता के सहयोग से कोविड के कठिन दौर को पार करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। कोविड काल में 108 स्वास्थ्य संस्थान खोले और स्तरोन्नत किए गए। प्रदेश की भाजपा सरकार ने चार साल के कार्यकाल में 4525 सड़कें पक्की कीं, जोकि अब तक किसी सरकार में नहीं हुआ। चार वर्षों में 412 नए पंचायतें बनाई गईं। जब हिमाचल को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा मिला तो सिर्फ 34 उपमंडल थे, लेकिन आज इनकी संख्या 78 है। तहसील और सब तहसील की संख्या 182 हो चुकी है। आज हिमाचल साक्षरता दर में केरल के बाद दूसरे स्थान आता है। 1971 में प्रति व्यक्ति आय 651 रुपये थी, जो आज 183286 रुपये हो गई है। जीडीपी 223 करोड़ थी, जो आज 156533 करोड़ है। स्वास्थ्य संस्थानों की संख्या आज 4320 है। विद्युत की आपूर्ति आज शतप्रतिशत गांवों में है। 1971 में 10617 किलोमीटर तक सड़कें थीं, जो आज 38 हजार किलोमीटर हो गई हैं। वहीं अब प्रदेश में 2192 पुलों का जाल बिछा है। 1971 में 4693 शिक्षण संस्थान थे और आज इनकी संख्या 16067 पहुंच गई है। प्रदेश सरकार ने हिमकेयर योजना के तहत 2 लाख 17 हजार लोगों का मुफ्त इलाज किया और 200 करोड़ से ज्यादा खर्च किए गए। अटल टनल के साउथ व नार्थ पोर्टल पर पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।


















































