मापतोल विभाग द्वारा कार्यालय निरीक्षक माप तोल देहरा में विभागीय समझौते हेतु दुकानदारों को 16 जून को बुलाया गया था। इस दौरान सहायक नियंत्रक धर्मशाला मंडल प्रिया चंदेल द्वारा 14 के केसों का निपटारा किया गया मापतोल विभाग द्वारा औचक निरीक्षण कर अनियमितताओं के मिलने पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 व बंद वस्तुएं के नियम के अनुसार चालान किए गए थ।े निरीक्षक मापतोल देहरा नीरज भारती द्वारा बताया गया कि प्रक्रिया में विभाग ने कुल 29500 रुपए जुर्माना राशि समझौते स्वरूप प्रदान की गई। जिन दुकानदारों ने विभागीय समझौते में अनुपस्थिति दिखाई है उनके केसों को आगामी कार्रवाई हेतु न्यायालय में प्रेषित कर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्मशाला से रोड शो के जरिये भाजपा कार्यकर्ताओं को एक बार फिर चार्ज कर गए। महज एक किलोमीटर और 15 मिनट के छोटे से रोड शो से भी पीएम मोदी बड़ा इम्पैक्ट डालने में कामयाब रहे। हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पीएम मोदी के रोड शो का हिस्सा बनने पहुंचे और जिस तरह की नारेबाजी हुई उससे जाहिर है कि भाजपा का जोश अब हाई है। आलम कुछ ऐसा रहा कि पीएम के रोड शो के बाद भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आएं और जमकर नारेबाजी हुई। वहीँ पीएम के स्वागत के लिए धर्मशाला पहले से ही भगवा रंग में रंगा था। शहर में करीब 25 हजार भाजपा के झंडे लगाए गए थे। निसंदेह पीएम मोदी के आगमन से भाजपा कांगड़ा में माहौल बनाने में कामयाब रही है। करीब बीते के पखवाड़े में ये पीएम मोदी का दूसरा हिमाचल दौरा है और लगभग बीते तीन माह में ये तीसरा मौका है जब पीएम मोदी हिमाचल आएं है। उपचुनाव में क्लीन स्वीप के बाद प्रदेश में भाजपा का जोश ठंडा था और तब 10 मार्च के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले में बड़ी रैली करके हतोत्साहित कार्यकर्ताओं को जोश से लबरेज कर दिया था। इसके बाद केंद्र सरकार के आठ साल का उत्सव मानने के लिए भी शिमला को चुना गया और बीती 31 तारीख को पीएम मोदी की शिमला में शानदार जनसभा आयोजित हुई। अब मुख्य सचिवों के दो दिवसीय सम्मेलन में शामिल होने धर्मशला पहुंचे पीएम मोदी ने रोड शो कर फिर से कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। चुनाव से पहले कई बार आएंगे पीएम हिमाचल में सत्ता कब्जाने के लिए 15 सीटों वाला कांगड़ा सबसे अहम जिला है। 2017 में यहां भाजपा ने 11 सीटें जीती थी और मिशन रिपीट भी इसी कांगड़ा के प्रदर्शन पर काफी हद तक निर्भर है। ऐसे में पीएम मोदी के कांगड़ा दौर और रोड शो के विशेष मायने है। बहरहाल विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी के कांगड़ा और निचले हिमाचल में कई दौरे होने तय है। जल्द ही प्रधानमंत्री बिलासपुर एम्स का उद्घाटन करने भी आ सकते है। सबसे बड़े ब्रांड है पीएम मोदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न सिर्फ भाजपा बल्कि पुरे देश के सबसे बड़े राजनैतिक ब्रांड है। ब्रांड मोदी का असर देश बीते एक दशक से लगातार देखता आ रहा है। ये ही कारण है कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के सियासी रिवाज़ को तोड़ने के लिए भाजपा अपने सबसे दमदार चेहरे को आगे रख रही है। मिशन रिपीट में जुटी भाजपा के लिए खुद प्रधानमंत्री अभी से मोर्चा संभाले हुए दिख रहे है।
जिला परिषद कर्मचारी महासंघ विकास खंड आनी इकाई की एक बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान ईश्वर सिंह ने की। बैठक में विकास खंड आनी के सभी पंचायत सचिव, सहायक अभियंता और तकनीकी सहायक आदि ने भाग लिया। बैठक में चर्चा के बाद जिला परिषद कर्मचारियों, अधिकारियों ने 25 जून को पेन डाऊन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय उनकी मांगों को मानने में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विलंब के चलते राज्य कार्यकारिणी के आहवान पर लिया गया है। ईश्वर सिंह का कहना है कि इस निर्णय के बारे में उच्चाधिकारियों को समय पूर्व ही सूचित कर दिया गया है। बैठक में पूर्ण चन्द, प्रताप सिंह, सन्तोष कुमार, महेन्द्र सिंह,सौभाग्या,मधु, विभु भारती, शिव राम, जीवानन्द,इन्द्र सिंह, लाल सिंह, राहुल, रिम्पी, लाल सिंह, ध्यान सिंह, कृष्ण चन्द आदि ने भाग लिया।
हमीरपुर के सर्किट हाउस में 20 जनवरी को त्रिदेव सम्मेलन करवाया जा रहा है। इसकी तैयारियों के लिए मीटिंग की गई। यह मीटिंग प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्बाल की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग के दौरान त्रिदेव सम्मेलन के आयोजन के लिए सभी कमेटी का गठन किया गया और साथ ही रूपरेखा भी तैयार की गई। कार्यक्रम में भोजन बिजली जल की व्यवस्था, यातायात पार्किंग की व्यवस्था अन्य कार्यों पर भी चर्चा की गई। मीटिंग के दौरान जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा हमीरपुर से एमएलए नरेंद्र ठाकुर एचटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर, संजीव ठाकुर, सुमित शर्मा जिला महामंत्री हरीश शर्मा, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ संयोजक कैप्टन रंजीत सिंह, एपीएमसी चेयरमैन अजय शर्मा, नवीन शर्मा प्यारे लाल शर्मा, जग सिंह ठाकुर, सुजानपुर मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष राजकुमारी, विजयपाल सोहरु, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय रिंटू, सुजानपुर बीडीसी उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रेम सिंह भरमौरिया आदि शामिल रहे।
हिमाचल प्रदेश में अग्निपथ योजना के तहत सेना में अग्निवीरों की भर्ती के फैसले को लेकर बवाल मच गया है। प्रदेश के लगभग हर क्षेत्र में अग्निपथ योजना को लेकर प्रदर्शन किये गए। वंही आज यानि गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी के धर्मशाला में रोड शो से ठीक पहले युवाओं ने कांगड़ा के गगल, हमीरपुर व मंडी जिले में योजना को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। सेना भर्ती नियमों में हुए संशोधन से गुस्साए युवाओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर युवाओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की व नोकझोंक भी देखने को मिली। उग्र प्रदर्शनकारियों ने गगल एयरपोर्ट पर रोड शो के लिए लगाए पीएम मोदी के होर्डिंग भी फाड़ दिए। वंही कांगड़ा के डीएसपी सुनील राणा ने युवाओं को समझने का प्रयास किया और प्रदर्शन बंद करने को कहा। लेकिन प्रदर्शन उग्र होता देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान पुलिस व युवाओं में धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस ने कुछ युवाओं को हिरासत में लिया है। जिला कांगड़ा में विभिन्न जगह पर प्रदर्शन पर रहे करीब 80 युवकों को दो बसों में शाहपुर थाने लाया गया, जबकि एक बस में युवाओं को कोटला चौकी भेजा गया है। भर्ती नियमों में बदलाव के फैसले से गुस्साए युवाओं ने कई जगह तोड़फोड़ की। वहीं, हमीरपुर में भी कुछ ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। सेना भर्ती रद्द करने को लेकर हमीरपुर के गांधी चौक पर युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। युवाओं ने सेना में स्थायी भर्ती की मांग उठाई। वहीं, हाथ में तिरंगा लेकर मंडी के सेरी मंच पर भी युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गौरतलब है कि प्रदेश के युवा काफी लम्बे समय से सेना भर्ती की मांग कर रहे थे लेकिन अब सेना भर्ती प्रक्रिय में केंद्र सरकार द्वारा किये गए बदलाव के कारण युवाओं में भारी रोष है।
शिक्षा खंड कांगड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम युवा संसद में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दौलतपुर ने अपना दबदबा कायम रखते हुए शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया। नया कांगड़ा विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा खंड कांगड़ा से 24 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों ने भाग लिया, जिसमें दौलतपुर स्कूल टॉप पर रहा। इस कार्यक्रम में विद्यालय से जमा एक व जमा दो कक्षाओं से 44 छात्रों ने भाग लिया। इस विषय में जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य जसविन्द्र सिंह रंधावा ने बताया कि कार्यक्रम में छात्रों को संसद की कार्रवाई एवं कानून बनाए जाने की प्रक्रिया से अवगत करवाया जाता है। उन्होंने शीर्ष स्थान हासिल करने पर प्रतिभागी छात्रों को बधाई दी साथ ही विद्यालय से इस कार्यक्रम के प्रभारी रहे राजनीति शास्त्र के प्रवक्ताओं सुनील दत्त शर्मा व तारा चंद का धन्यवाद करते हुए उन्हें भी बधाई दी।
कोटला पुजारिया तथा पारनु पंचायत के कनोह गांव के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। इन लोगों ने कई बार प्रशासन से गुहार भी लगाई मगर समस्या हल नहीं हुई। यही नहीं 1100 नंबर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई लेकिन 15-20 दिन बीत जाने के बाद भी समस्या हल नहीं हुई। दोनों गांववासियों का कहना है कि कहीं से भी अभी तक उम्मीद की किरण दिखाई नहीं दे रही है। इन दोनों गांव को विभाग ने गम्भरपुल पेयजल योजना से जोड़ रखा है और विभाग के अधिकारियों के अनुसार स्थानीय जल स्रोत गर्मी के कारण सूख गए हैं तथा गंभर पुल पेयजल योजना पर्याप्त वोल्टेज न होने के कारण हांफ गई है। कोटला गांव के निवासी कहते हैं कि उन्होंने 15 दिन पहले इस बारे शिकायत दर्ज करवाई थी 15 दिन में केवल 2 बार उन्हें मामूली पेयजल सप्लाई की गई है। उधर, कनोह वासियों का कहना है कि लगभग 1 माह से उनके गांव में पानी की सप्लाई नहीं हुई है और उन्हें दूर-दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। कोटला पुजारिया गांव की महिला मंडल प्रधान मीरा शर्मा, अर्चना, निशा, लीला, निर्मला, सीमा, राजू, अनिल, रजनीश, वीरेंद्र ने कहा कि जल शक्ति विभाग को बार-बार दूरभाष से लिखित शिकायत देने के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस बारे में अधिशाषी अभियंता प्रताप किस्टा जल शक्ति विभाग अर्की से बात की गई तो उन्होंने बताया कि स्थानीय जल स्रोत प्रचंड गर्मी के कारण सूख गए हैं। इसके साथ ही गम्भरपुल पेयजल योजना बिजली की वोल्टेज कम होने के कारण पूरा भंडारण नहीं कर पा रही है। इस कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है उनका कहना है कि विद्युत विभाग से इस बारे में बात की जा रही है। शीघ्र ही समाधान कर लिया जाएगा।
सुजानपुर पुलिस ने यातायात चेकिंग के दौरान एक युवक से 50 ग्राम चरस बरामद की है। एसएसओ सतपाल शर्मा ने बताया कि सुजानपुर पुलिस द्वारा खड़ोला में सैनिक स्कूल आवास कॉलोनी के पास यातायात चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। मोटरसाइकिल सवार ने उनसे कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल को रोका और पुलिस पार्टी को देख कर तेजी से पीछे की ओर भागा। उसने भागते समय जेब से एक लिफाफा सड़क के कुछ दूरी पर फेंक दिया। फेंके गए लिफाफे मेँ से 50 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय मंडी ने प्रेस नोट द्वारा जानकारी दी है एमएसएचसीएल टेक्नोलॉजी की ओर से एक कैम्पस इंटरव्यू करवाया जा रहा है। इसमें एचसीएल द्वारा टेक्नोलॉजी कार्यकर्म के अंतग्रत कक्षा 12वीं के छात्रों को कुशल बनाया जाएगा। इसके लिए एचसीएल टेक्नोलॉजी की ओर से ट्रेनी आईईटी इंजीनियर और एसोसिएट्स के पदों को भरा जाएगा। इसमें प्रशिक्षण अवधि जो की 6-12 महीने की होगी। इस दौरान स्टाइपेंड 10,000 रुपए प्रतिमाह दिया जाएगा और उसके बाद चयनित युवाओं को 1.7 से 2.2 लाख रुपए प्रति सालाना वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा चयनित युवाओं को उच्च शिक्षा भी एचसीएल टेक्नोलॉजी के द्वारा एमिटी यूनिवर्सिटी बिट्स पिलानी शास्त्र यूनिवर्सिटी द्वारा प्रायोजित की जाएगी। जिनकी योग्यता 12वीं गणित विषय में 60 प्रतिशत अंकों के साथ वर्ष 2021 अथवा वर्ष 2022 हो, वे 18 जून को प्रात: 10:30 बजे एनआईईयू टी सेंटर नियर बस स्टैंड मण्डी में साक्षात्कार दे सकते हैं। उमीदवारो को ऑलाइन परीक्षा देनी होगी। इसमें गुणात्मक वर्क निबंध लेखन सामान्य अंग्रेजी आदि के प्रश्न पूछे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदरवार अपने सभी दस्तावेजों के साथ अपना पासपोर्ट साइज फोटो जरूर साथ लाएं। इंटरव्यू में आने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भता नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए फोन न. 7018257223 पर संपर्क किया जा सकता है। युवा विशेषज्ञ विपल्व ठाकुर आरईई मंडी के फोन नं. 9873621285 से जानकारी ले सकते हैं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन अधूरी जानकारी से अग्निपथ योजना पर बयानबाजी करने से बचे। सोलन के विधायक धनीराम शाडिंल योजना की पूरी जानकारी हासिल करे अग्निपथ योजना से बनने वाले अग्निवीरों को गुमराह ने करें। अपने को पूर्व सैनिक व 35 साल सेना में देश की रक्षा करने का दावा करने वाले शांडिल काे लगता है सेना और देश प्रेम से मोह भंग हो गया है। यह बात भाजपा सोलन के मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर ने कही। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस का काम मोदी सरकार शुरू की जा रही हर जन कल्याणकारी योजनाओं का विरोध करना है। इसलिए वह केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना का भी विरोध कर रही है। सोलन भाजपा मंडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना का स्वागत करती है। इस योजना से युवाओं को रोजगार तो मिलेगा ही। साथ ही युवाओं में देश प्रेम की भावना को भी बल मिलेगा। सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल जो सेना से हैं और 35 वर्ष भारतीय सेना में देश की रक्षा करने का दावा करते हैं, उन्हें ये समझ नहीं आ रहा की युवा शक्ति के सेनाओं के साथ जुड़ने से सेनाओं की शक्ति और बढ़ेगी। सेनाएं और भी ज्यादा मजबुत होंगी और अग्निवीरों में देश प्रेम का संचार होगा। साथ ही उन्हें रोजगार भी मिलेगा। भाजपा मंडल सोलन को लगता है कि कर्नल धनीराम शांडिल का सेना और देश प्रेम से मोह भंग हो गया है। धनिराम शांडिल को पता होना चाहिए की 2020-2021 और 2021- 2022 के मध्य कोरोना के कारण सेना मे भर्ती नहीं हुई। इसकी पूर्ण जानकारी राज्यसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने राज्यसभा मे दी थी, जिसकी विस्तृत जानकारी कर्नल धनीराम शांडिल को ले लेनी चाहिए। उन्हें पता होना चाहिए की सेनाओं को युथफुल बनाने के लिए अग्निपथ योजना लाई गई है। अग्निवीरों को किस तरह से 4 साल बाद सेना मे व अन्य संस्थानों में किस तरह नौकरी मिलेगी व 4 साल बाद उन्हें कितना पैसा मिलेगा, उसकी विस्तृत जानकारी प्राप्त करके ही कोई बयानबाजी करनी चाहिए। मंडल भाजपा सोलन विधायक कर्नल धनीराम शांडिल को कहना चाहती है की आपका मीडिया में इस तरह का बयान देना हस्यसपद है। ऐसी बयानबाजी से आप देश की युवाओं को गुमराह न करें।
बड़सर विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों मे पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों को टैंकरों के माध्यम से पानी पंहुचाकर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल एक समाजसेवक होने का भी फर्ज निभा रहे हैं। यह ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केवल धीमान ने कही। धीमान ने कहा कि वर्तमान समय मे क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक पंचायतों में भीषण गर्मी के कारण सूखे जैसे हालात बने हुए हैं, लेकिन बड़सर भाजपा का कोई भी नेता लोगों की मदद कों सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि ऐसे तो भाजपा के नेता खुद को जनता का मसीहा कहते हैं लेकिन जनता पर समस्या पड़ते ही ये नेता अपने अपने बिलों में न जाने कहां छुप जाते हैं। उन्होंने कहा कि विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने हमेशा बड़सर की जनता के सुख-दुख में सस्था दिया है और हर मुसीबत में लोगों के साथ खडे रहे हैं। यही कारण है कि आज वे बड़सर ही नहीं बल्कि प्रदेश भर में जनता की पहली पसंद हैं। बड़सर की ग्राम पंचायत भैल, समताना, सोहरी, सौर, ज्योली देवी, बड़सर सहित अन्य मे भारी पानी की किल्लत चल रही है। विधायक लखनपाल ने अपना फर्ज निभाते हुए इन पंचायतों पिछले 15 दिनों से लगातार पानी के टैंकर भेजकर पानी मुहैया करवाया है जिससे लोगों कों काफी हद तक राहत देने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक 109 से ज्यादा टैंकर पानी के भेजे जा चुके हैं, जिसका सारा खर्च विधायक सहन कर रहे हंै लेकिन भाजपा के कुछ लोगों कों यह बात रास नहीं आ रही है।
रंजीत ठाकुर। कुनिहार बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के 25 एसीसी कैडेट्स एनसीसी वार्षिक शिविर में भाग ले रहे हैं। जानकारी देते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने बताया की विद्यालय से 25 (छात्र व छात्रा) एसीसी कैडेट्स एनसीसी वार्षिक शिविर में भाग ले रहे हैं, जो की जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार मे प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के सौजन्य से 15 से 24 जून तक आयोजित किया गया है। इनके साथ एएनओ अमर देव भी शिविर में एनसीसी कैडेट्स के साथ भाग ले रहे हैं। इस शिविर में लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स के करीब स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय से एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। ये शिविर प्रथम छात्र वाहिनी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विक्रमजीत सिंह पनाग, लेफ्टिनेंट कर्नल विनोद कुमार सेना मैडल, सूबेदार मेजर दिनेश सिंह, जेसीओ नायब सूबेदार बलविंदर सिंह, नायब सूबेदार प्रताप सिंह, बीएचएम गीताराम, सीएचएम मनोहर लाल मार्ग दर्शन मे चलाया जा रहा है। इस शिविर में एनसीसी कैडेट्स के लिए सैनिक प्रशिक्षण, फायरिंग प्रतियोगिता, समाजिक सेवा ज्ञान, खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रतियोगिता और ड्रिल प्रतियोगिता करवाई जाएगी। विद्यालय अध्यक्ष, प्रधानाचार्य, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष व समस्त अध्यापक वर्ग ने सभी एनसीसी शिविर में भाग ले रहे कैडेट्स को बधाई दी। बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के एनसीसी कैडेट्स हर वर्ष एनसीसी वार्षिक शिवर में भाग लेते हैं और शिविर से अच्छा परीक्षण प्राप्त कर स्कूल और कुनिहार का नाम रोशन करते हैं। सभी एनसीसी कैडेट्स में शिविर के प्रति बड़ा ही हर्षोल्लास है।
जोगिंद्रनगर की भालारिहड़ा पंचायत में बने शारदा माता मंदिर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। यह पुजारी पवन भट्ट ने दी। उसने बताया कि मंदिर में दो दान पात्र थे जिसमें से एक गायब है और दूसरे से तालतोड़ कर नकदी चुरा ली है। वहीं माता के गले में पड़ा नोटों के हार भी गायब है। उन्होंने बताया कि आज सुबह जब उनका भतीजा अरमान मंदिर में सफाई के लिए गया तो सबकुछ उथल-पुथल पाया जिसकी सूचना भतीजे ने पुजारी पवन को दी और उन्होनें पुलिस को दी। पुलिस ने मौका कर छानबीन शुरू कर दी है।
शिवगण देवता मंदिर सुधार समिति कोटला का वार्षिक अधिवेशन गणदेवता मंदिर कोटला पुजारिया में हुआ। यह अधिवेशन सुधार समिति के अध्यक्ष जयचंद चंदेल की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान अधिवेशन में समिति सदस्यों के समक्ष वित्त वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। अधिवेशन के दौरान पुरानी कार्यकारिणी को भंग करके नई कार्यकारणी का गठन किया गया।कार्यकारिणी मे प्रधान हीरा पाल, उपप्रधान रमेश चंदेल, सचिव जयचंद चंदेल, वजीर जय देव, उपवजीर पदम देव, भंडार प्रभारी महेंदर कुमार, लेखा परीक्षा अधिकारी विजय चंदेल व हेत राम शर्मा, मुख्य सलाहकार देवी चंद चंदेल, दिला राम चंदेल, रूप चंद चंदेल व प्रेस सचिव उमेश गौतम को नियुक्त किया गया। अधिवेशन के दौरान विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इस अवसर पर बालकराम, मनसा राम, निशांत, योगेंदर, किशोर, भीम, संतराम, देवीरूप सहित अन्य बुद्धिजीवी लोग मौजूद रहे।
राजेश कतनौरिया। जवाली विकास खंड फतेहपुर के कस्बा राजा का तालाब की ग्राम पंचायत लाडथ में ऐतिहासिक प्राचीनतम बाबा बल्ले दा पीर मंदिर में आज जोगेंद्र शर्मा ने अपने पुत्र पंकज शर्मा निवासी औंध नूरपुर के फौज में भर्ती होने की मन्नत पूरी होने पर बावा बल्ले दा पीर लाडथ मंदिर दरवार में पूजा-अर्चना की और वाटर कुलर चढ़ाया, श्रद्धालु फतेहपुर हाड़ा निवासी पिंकु शर्मा ने भी दोनों लड़कों के भर्ती होने पर बाबा के दरबार में हाजिरी भरी। इस अवसर पर मंदिर पुजारी संजीव खट्टा ने पूजा-अर्चना भी करवाई।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय सचिव पवन मिश्रा की अध्यक्षता में शिक्षा निदेशक उच्चतर डॉ अमरजीत शर्मा से मिला तथा प्रवक्ताओं की प्रोमोशन सूची जल्द निकालने का आग्रह किया। प्रांत महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि शिक्षकों के आग्रह पर निदेशालय में प्रवक्ताओं के नाम को जमा करवाने की तिथि को बढ़ाने का आग्रह किया गया है। जिसे निदेशक ने स्वीकार कर दिया है। अब 20 तारिक तक प्रोमोशन हेतु अपने नाम जमा करवा सकते हैं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। गगल जिला कांगड़ा के गग्गल में प्रदेश के विभिन्न जगहाें से आए युवकों ने सेना में अग्निपथ भर्ती का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवाओं के आंदोलन की अगुवाई कर रहे जिला पार्षद पंकज कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि 4 साल पहले लाखों युवाओं ने लिखित परीक्षा और ग्राउंड टेस्ट पास किए हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने उसका रिजल्ट न निकालकर अब 4 साल के लिए सेना मे भर्ती करने का फैसला लिया है। पंकज ने आरोप लगाया कि युवाओं को धर्मशाला नहीं जाने दिया जा रहा और पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। पंकज ने कहा कि सभी युवा धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर अपनी समस्या का समाधान करवाने जा रहे थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार में हिमाचल प्रदेश के युवाओं के साथ मारपीट कर उनकी आवाज को दबाया जा रहा है, लेकिन अब प्रदेश का युवा झुकने वाला नहीं है। जयराम सरकार को उखाड़ कर ही दम लेंगे। इस दौरान युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने 1 घंटे के बाद युवाओं को सरकारी बसों में डालकर चंबी पुल और कांगड़ा की तरफ ले जाकर छोड़ दिया।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन दिन की शुरुआत फलों के राजा आम के बारे में एक सामान्य बातचीत के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने कविताएं भी सुनाई जिसका सभी ने भरपूर आनंद लिया। शिक्षकों ने बच्चों को फलों के राजा के बारे मे बताया कि न केवल इसके स्वाद और पीले रंग के लिए, बल्कि इसके पोषक तत्वों जैसे-विटामिन-सी और विटामिन-ए के लिए भी। यह रेशेदार फल हमारे पाचन तंत्र को मजबूत करता है और लू लगने से बचाता है। उन्हें इसके सेवन के विभिन्न रूपों जैसे- मैंगो शेक, आइसक्रीम, जैम, अचार व चटनी आदि के बारे में भी बताया गया। इस मौके पर सभी बच्चों में काफी उत्साह दिखाई दिया।
आलाेक। कुल्लू आसमानी बिजली की चपेट में आने से 20 बकरियों की हुई मौत। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन को दी। सूचना पशुपालन विभाग की टीम कर रही मृत बकरियों की जांच।
मोदी सरकार कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ ईडी को हथियार बना कर मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का खेल खेल रही है।इस केस को बंद कर दिया गया था। उसे भाजपा के इशारे पर फिर से खोल कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का प्रयास किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सचिव राज सिंह ठाकुर ने चंबा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के मंत्री अब चंबा की जन समस्याओं का सामना करने के डरने लगे है तभी तो प्रेस वार्ता को छोड़ कर चले गए। राज सिंह ने कहा कि हिमाचल सरकार व उसके मंत्री जिला चंबा के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर कतई गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि साढ़े चार सालों में मेडिकल कॉलेज चंबा की हालत बद से बदतर हो गई लेकिन मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री तक महज आश्वासन देने में ही व्यस्त रहे। मेडिकल कॉलेज चंबा के पहले चरण का कार्य चालू वर्ष के दिसंबर में पूरा होने की मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री दावा कर चुके हैं लेकिन यह कार्य अगले वर्ष तक भी पूरा हो जाए तो बेहद गनीमत होगी, क्योंकि पहले चरण के लिए जो पैसा स्वीकृत हुआ है उतना भी निर्माण कार्य को अंजाम देने वाली कंपनी को अभी तक जारी नहीं किया गया है। कंपनी की करोड़ों रुपए की पेमेंट पर सरकार ने कुंडली मार रखी है। दूसरे चरण के निर्माण कार्य के लिए अभी तक एक फूटी कौड़ी तक जारी नहीं की गई है तो इसका अभी तक एफ.सी.ए. केस तक क्लीयर नहीं हुआ है। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के प्रवक्ता जगदीश हांडा, जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति सैल के अध्यक्ष जितेंद्र सूर्या व पूर्व युकां अध्यक्ष चंबा शिवांक शर्मा सहित विभिन्न पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
देहरा विधानसभा क्षेत्र के मुख्य शहर देहरा में पानी की किल्लत ने अब नेताओं के भी कान खड़े कर दिए हंै। पानी की किल्लत झेल रहे देहरा वासियों की सुध लेने व पानी की कोई व्यवस्था हो सके इसके लिए आज देहरा भाजपा युवा नेता डॉ. सुकृत सागर ने लगभग एक घंटा जल शक्ति विभाग देहरा के अधिशाषी अभियंता के कार्यालय में अधिकारियों से मिले। इससे पहले डॉ सुकृत सागर ने देहरा में लोगों के घर-घर जाकर पानी की समस्या को देखा। जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से मिलने के बाद डॉ. सुकृत सागर ने कहा की उन्होंने अधिकारियों से निवेदन किया है कि जल्द ही पानी के टैंकों या किसी अन्य वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से शहर में पानी की सप्लाई को सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा कि वह इस समस्या को आज ही सरकार तक पहुंचाएंगे। देहरा ब्लॉक की बी डीसी अध्यक्षा अर्चना धीमान, नगर परिषद देहरा के उपाध्यक्ष मलकियत व देहरा भाजपा जिला उपाध्यक्ष महिंदर चौहान ने भी इस विषय पर चिंता जाहिर की।
16 जून को समय 9 बजे से शाम 6 बजे तक 132 केवी निवारक रखरखाव हेतु सभी 33 केवी फीडर परागपुर, देहरा व ढलियारा आदि बंद रहेंगे। यह जानकारी 132 केवी सब स्टेशन देहरा के सहायक अभियंता शांति भूषण ने दी है। कल गुरुवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक डाडासीबा, बढल ठोर, गुराल धार, सियुल खड्ड, सांडा बाड़ी, चनौर, आदि सभी आसपास के गांवों में विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 16 जून से होने वाले दो दिवसीय दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री दोपहर बाद गग्गल हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी सम्मेलन हॉल में तैयारियों के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने सम्बन्धित अधिकारियों को प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रोड शो की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान राज्य के विभिन्न सांस्कृतिक दल अपने पारंपरिक परिधानों और संगीत वाद्ययंत्रों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिवों के अखिल भारतीय सम्मेलन स्थल और रोड शो स्थल का भी दौरा किया। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद किशन कपूर, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, धर्मशाला के विधायक विशाल नेहरिया, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, पुलिस महानिदेशक संजय कुण्डू, प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक कुशाल शर्मा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के परागपुर बलाहर स्थित वेद व्यास परिसर में योगविद्या विषय पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्यवक्ता योग भारती हिमाचल के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति इस कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता वेद व्यास परिसर के निदेशक प्रो. मदन मोहन पाठक ने की व संरक्षक के तौर पर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के वाईस चांसलर श्री निवासवरखेड़ी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम के साथ जुड़े। आगामी 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में वेद व्यास परिसर में 10 दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
भाजपा महासचिव त्रिलोक जमवाल ने कहा कि कांग्रेस अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए हिंसक विरोध प्रदर्शन कर रही है। भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस पर अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए हिंसक विरोध का सहारा लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के एक कथित मामले में वायनाड के सांसद राहुल गांधी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा सम्मन किए जाने के खिलाफ विपक्षी दल की हलचल इसकी प्रगतिशील गिरावट दर्शाती है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी द्वारा हिंसा के कारण कांग्रेस के नेतृत्व वाले असहयोग आंदोलन को बंद करने के फैसले की ओर इशारा किया गया था, जो कि भ्रष्टाचार के एक मामले में जांच का विरोध करने वाले कांग्रेस द्वारा वर्तमान हिंसक विरोध के विपरीत था। जमवाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता, जिनसे नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा पूछताछ की जा रही है, न तो पार्टी के अध्यक्ष हैं और न ही विपक्ष के नेता, जबकि उनके लिए कांग्रेस की ताकत दिखाने पर सवाल उठाया गया था।
हिमाचल प्रदेश उद्योग विभाग ने धर्मशाला के डिपोलो होटल में एक मीटिंग की। इसमें अनुराग जैन सचिव उद्योग सदन और आंतरिक व्यापार विभाग भारत सरकार, राकेश प्रजापति निर्देशक व दीपिका राणा संयुक्त निर्देशक उद्योग विभाग हिमाचल प्रदेश में हिमाचल के चुने हुए 17 स्टार्टअप्स ने भाग लिया। इस मीटिंग में अनुराग जैन सचिव उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग भारत सरकार ने प्रत्येक स्टार्टअप के साथ संवाद किया उन्होंने अपनीहट्टी के आईडिया को बहुत सराहा व इसे भविष्य में हर संभव मदद देने का वादा किया। अपनी हट्टी का प्रक्षेपण 31 जनवरी 2022 को जिलाधीश कांगड़ा डॉक्टर निपुण जिंदल के द्वारा ऑनलाइन इवेंट के माध्यम से हुआ था। अपनी हट्टी कि इनक्यूबेशन आईआईटी मंडी से हुई है। यह स्टार्टअप हिमाचल प्रदेश से मान्यता प्राप्त की हुई है वह एक ऑनलाइन मार्केटप्लेस है जिसमें केवल हिमाचल प्रदेश के कार्यक्रम द्वारा बनाई गई उत्पाद पूरे भारतवर्ष में उपलब्ध कराए जाते हैं। इसमें चंबा थाल, चंबा चुख, औषधियां ,शॉल व हिमाचली कपड़े और अन्य उत्पाद उपलब्ध करवाए जाते हैं।
ग्राम पंचायत सरयांज में लगभग 1.67 करोड़ रुपए की योजनाएं के लोकार्पण एवं शिलान्यास स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में प्रयास सफल हुए हैं। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के सरयांज में 1.61 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के शिलान्यास तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयांज में 06 लाख 30 हजार की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। उन्होंने क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक बाड़ीधार मेले के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित भी किया। उन्होंने इस अवसर पर सभी को मेले की शुभकामनाएं देते हुए आग्रह किया कि अपनी संस्कृति और परम्पराओं को सहेज कर रखें। डॉ. सैजल ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में अधोसंरचना विकास एवं चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल कर्मियों के पद भरकर आमजन को सुविधा प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी भयानक बीमारी की स्थिति में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सभी कर्मियों और आमजन के सहयोग से ही सुधार लाया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत सहित पूरे विश्व में कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण का अगुआ बताते हुए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष रमेश ठाकुर, सदस्य अमर सिंह ठाकुर, दपर्णा ठाकुर, भुवनेश्वरी शर्मा, ग्राम पंचायत सरयांज के प्रधान रमेश ठाकुर, उप प्रधान प्रकाश गौतम, भाजपा उपाध्यक्ष रतन सिंह पाल, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष सन्त राम भारद्वाज, भाजपा मण्डल अर्की के अध्यक्ष डी.के उपाध्याय, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य जय नन्द शर्मा, ओपी गांधी, डॉ. ओम प्रकाश गौतम आदि शामिल थे।
बाल विकास परियोजना लंबागांव के अंतर्गत आगनबाड़ी केंद्र में डूहकी काथला पंचायत काथला, संधोल पंचायत संधो एक आगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा कर्णघट पंचयात कर्णघट , मक्कड़ पंचायत जयसिंहपुर, चन्द्ररोण पंचायत अप्पर ठेहडू दगोह पंचायत दगोह तथा टिक्करी 2 पंचायत बागकुल्ला में आंगनवाड़ी सहायिका का एक-एक पद भरने हेतु आवेदन पत्र मांगे गए थे, उनके साक्षात्कार दिनांक 16.06.2022 की प्रात: ठीक 10 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी लम्बागांव के कार्यालय में रखे गए थे, यह साक्षात्कार किन्हीं प्रशासनिक कारणों से स्थगित किए जाते हैं। आगामी तिथि बाद में समाचार पत्रों व कार्यलय के विभिन्न साधनों से बता दी जाएगी।
विस क्षेत्र के तहत टौणी देवी सिविल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर अभिषेक राणा के सरकाघाट डेपुटेशन पर भेजने के आदेश रद्द हो गए हैं। लोगों के भारी विरोध के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आदेश रद्द किए हैं। फिलहाल डॉक्टर अभिषेक टौणी देवी सिविल अस्पताल में ही सेवाएं जारी रखेंगे। डॉक्टर अभिषेक राणा को उन परिस्थितियों में सरकाघाट डेपुटेशन पर भेजने के आदेश हुए थे जब टौणी देवी सिविल अस्पताल के आठ में से तीन डॉक्टर पहले ही डेपुटेशन पर बाहर भेजे जा चुके हैं। ऐसे में स्थानीय पंचायतों, व्यापार मंडल, सामाजिक संगठन भड़क गए थे। डॉक्टर अभिषेक राणा की उनके व्यवहार व कार्य करने की लग्न को लेकर ग्रामीणों में खासी पहचान है। डॉक्टरों की कमी से पहले से जूझ रहे टौणी देवी सिविल अस्पताल से अचानक उन्हें भी सरकाघाट डेपुटेशन पर भेजने से लोगों में खासी नाराजगी देखी गई। इस बारे में लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मिलकर आदेश रद्द करवाने की गुहार लगवाई। पूर्व सीएम धूमल ने लोगों की भावनाओं को समझते हुए इस संवेदनशील मुद्दे को सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाया। इस बारे प्रिंसिपल सेक्रेटरीह हेल्थ सुभाष पांडा ने बताया कि डॉक्टर कुंवर अभिषेक राणा के टौणी देवी सिविल अस्पताल से सरकाघाट अस्पताल में डेपुटेशन पर भेजने के आदेश तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह पूर्व कांग्रेस सरकार के शुरू किए गय कार्यो के ही फीते काट रही है। उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार को चुनौती दी है कि वह अपने इस कार्यकाल के केवल पांच कार्य ही गिना दे जिसे उन्होंने शुरू किया और पूरा किया हो। आज बिलासपुर में एक पत्रकार वार्ता में प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज बढ़ती मंहगाई व बेरोजगारी से लोग परेशान है,सरकार को इसकी कोई चिंता नही है।उन्होंने कहा कि भाजपा मुद्दों पर कोई बात नही करती,लोगों को गुमराह करना इसकी पुरानी आदत है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला सबसे बड़ा घोटाला है।इस घोटाले में बड़े अफसरों से लेकर कई अन्य प्रभावशाली लोग शामिल है। सरकार जांच के नाम पर लीपा पोती कर रही है।
प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में एक महिला प्रशिक्षु डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार प्रशिक्षु डॉक्टर सर्जरी डिपार्टमेंट में कार्यरत थी और लक्कड़ बाजार में किराए के मकान में रह रही थी। मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन प्राथमिक जांच में ये मामला सुसाइड का लग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला मंडी के ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल पराशर में आयोजित सरानाहुली मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने पराशर ऋषि मंदिर परिसर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरानाहुली मेला देव आस्था, पर्यटन, मनोरंजन, खेल तथा व्यापार की दृष्टि से एक महत्त्वपूर्ण मेला है। उन्होंने कहा कि विभिन्न मेलों, देव परंपराओं के प्रसार और संरक्षण, स्वरोजगार, कृषि, बागवानी तथा पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय खलबूट को उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने, पर्यटन स्थल पराशर को नई राहें, नई मंजिलें के अन्तर्गत शामिल करने तथा मुख्यमंत्री लोक भवन बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 17 करोड़ रुपये की लागत से ज्वालापुर-पराशर सड़क, 15 करोड़ रुपये की लागत से मंडी-कटौला-बजौरा सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य तथा 7 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी-कांलग-पराशर-पन्टोंस सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। द्रंग क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये की लागत से घटासनी-बरोट सड़क का सुदृढ़ीकरण, 18 करोड़ रुपये की लागत से पधर में लघु सचिवालय का निर्माण कार्य, 10.73 करोड़ रुपये के व्यय से क्लस्टर विश्वविद्यालय के तहत नारला महाविद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 81 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
ब्लॉक नगरोटा सूरियां के वन विभाग के रेस्ट हाउस जवाली में आज आशा कार्यकर्ताओं की बैठक कंचन शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इसमें कल्पना रंधावा और सुमना देवी विशेष तौर पर उपस्थित रहीं। इस बैठक में ब्लॉक नगरोटा सूरियां की नई कार्यकारणी का ब्लॉक स्तर पर सर्वसहमति से चयन किया गया। इसमें रीता गुलेरिया को ब्लॉक अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा गया। पुष्पा देवी को जनरल सेक्रेटरी, सुनीता देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं पुनिता, रीटा देवी, नीलम, शम्मी, त्रिशला इन सभी आशा को उपाध्यक्ष का कार्यभार सौंपा गया। रीना, रेखा, विमपी, रंजना, आशा, सरला को सहसचिव का कार्यभार चुना गया। अंजना को प्रेस सचिव का कार्यभार सौंपा गया। पवन देवी को कोषाध्यक्ष का कार्यभार सौंपा गया।
लामा बॉयज क्रिकेट क्लब द्वारा मांग दुर्गा युवक मंडल निगुलसरी के सौजन्य से आयोजित सुपर 6 क्रिकेट और लोक सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हुआ। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रदेश वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मां दुर्गा युवक मंडल के मुख्य सहलाकार मुनीश नेगी ने बताया की उनका युवक मंडल सांस्कृतिक और खेलो को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष इस तरह के आयोजन करती रहेगी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता विभिन्न पंचायतों की लगभग 70 टीमों ने भाग लिया जिसमें लामा बॉयज निगुलसरी ने ट्रॉफी पर कब्जा किया। क्रिकेट प्रतियोगिता में फाइनल मैच लामा बॉयज निगुलसरी व चौरा की टीम के बीच हुआ जिसमें चौरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवरों में 87 रन बनाए तथा लामा बॉयज निगुलसरी टीम ने 88 रनों का लक्ष्य छठे ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर प्रतियोगिता में जीत हासिल की। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में 11 दलों ने भाग लिया जिसमें महिला मंडल छोटा कम्बा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला मंडल चौरा ने दूसरा और व महिला मंडल तरांडा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर वन विकास निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने क्लब के पदाधिकारियों को इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
आम आदमी पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष कांगड़ा रोहित चौधरी को जिला युवा मोर्चा कांगड़ा का उपाध्यक्ष बनाया गया है। रोहित चौधरी ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी हाईकमान का धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो पार्टी युवाओं के लिए रोजगार के मौके व खेलों में बढ़ावे पर पर विशेष कार्य करेगी व उनको नशे से भी दूर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के लिए पहले भी नि:स्वार्थ भाव से काम करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के परागपुर(बलाहर) स्थित वेद व्यास परिसर में योगविद्या विषय पर विशिष्ट व्याख्यान दिया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यवक्ता योग भारती हिमाचल के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वेद व्यास परिसर के निदेशक प्रो. मदन मोहन पाठक ने की व संरक्षक के तौर पर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के वाइस चांसलर श्री निवासवरखेड़ी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम के साथ जुड़े। आगामी 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में वेद व्यास परिसर में 10 दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में बुधवार को भी योग विद्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में मल्टी टास्क वर्करों की काउंसलिंग प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है। पहले दिन 14 स्कूलों के करीब 95 अभ्यार्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। काउंसलिंग कमेटी में एसडीएम हमीरपुर मनीष सोनी, बीईईओ मदन लाल व संबंधित स्कूल हैड के समक्ष अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज चैक किए जा रहे हैं। शिक्षा खंड हमीरपुर के अंतर्गत आने राजकीय प्राथमिक पाठशाला अमरोह, गुलेला, हलाना कल्लर, छियोड़ी, कैहडरू, गाहलियां, कुसवाड़, नालांगर, लाहड़, रोपा, कोट, साईं, हमीरपुर कन्या, हाउससिंग बोर्ड कलोनी और घिरथेड़ी स्कूल के मल्टी टास्क वर्कर पदों के लिए अप्लाई किए गए अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। उनके दस्तावेज जमा कर लिए गए हैं। अब उनकी बाद में मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। काउंसिंलिंग को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। क्योंकि अभ्यर्थी लंबे समय से मल्टी टास्क वर्कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का इंतजार कर रहे थे कि कब भर्ती प्रक्रिया आगे शुरू हो और उन्हें रोजगार मिल सके।
धूमल साहब आप के निर्देश पर गांव के हर घर को सड़क सुविधा उपलब्ध हुई है। अब आप निर्देश दें तो गांव में बस सुविधा भी उपलब्ध होगी। इस कार्य को जल्द करवाएं आपकी मेहरबानी होगी। यह गुहार सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव चमयोला के ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से उनके निवास स्थान समीरपुर में पहुंचकर लगाई है। ग्रामीणों में कुलदीप सिंह सुनील कुमार बीना देवी प्यार चंद कमल कुमार वीरता देवी अनीता देवी आदि लोगों ने कहां की धूमल साहब आप के निर्देश पर गांव को सड़क सुविधा 26 अप्रैल 2022 को उपलब्ध हुई थी। आप के निर्देश पर सड़क सुविधा के बाद यहां पर बस चलाई जाए इसके लिए निगम प्रबंधन टीम को मौके पर भेजकर सफल ट्रायल भी करवाया गया था। ऐसे में ग्रामीण आपसे आग्रह करते हैं कि जो भी बस कश्मीरी महादेव से चोरी बाया खयुन्द को निकलती है, यह तमाम बस सुविधाएं अब चमयोला गांव से होकर गुजरे तो गांव के करीब एक हजार और लोगों को बस सुविधा का लाभ मिलेगा। 3 से 4 किलोमीटर के अंतर्गत गांव को बस सुविधा से जोड़ा जाए इसके लिए आप के निर्देश पर रोड बना है सफल बस का ट्रायल हुआ है ऐसे में अब बस लग जाए तो गांव के लोगों को पैदल आवाजाही से आजादी मिलेगी। घर द्वार पर बस सुविधा उपलब्ध होगी।
ज्ञान ज्योति शिक्षा महाविद्याालय राजोल दिल्ली स्थित कम्पनी क्लिक 2 कैरियर के सहयोग से 20 जून को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन होगा। इस रोजगार मेले में सभी फ्रेशर ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट भाग ले सकते हैं। इस रोजगार मेले मे अभ्यर्थी डिजिटल मार्केंटिंग एचआर रिक्रूटर, आईटी रिक्रूटर कैटालाग स्पेशलिस्ट आदि पदों की भर्ती होगी। चयनित अभ्यर्थियों का सालाना पैकेज 1.8 लाख व 3.5 लाख रखा गया है। यह रोजगार मेला ज्ञान ज्योती शिक्षा महाविद्याालय राजोल के परिसर में सुबह 10 बजे लगेगा। इसकी जानकारी कालेज के प्रबन्धक वीरेंद्र चौधरी ने दी।
ग्राम पंचायत पारनू की मेला कमेटी ने कुश्ती मेला करवाया। इस दौरान मुख्यातिथि के रूप में विधायक अर्की संजय अवस्थी ने शिरकत की। इस दौरान विधायक ने ऐच्छिक निधि में 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। वहीं स्थानीय युवाओं के लिए एक जिम खोलने की भी घोषणा की। सरडमरास के स्थानीय लोगों ने अंबुजा कंपनी द्वारा पेयजल स्रोतों के साथ छेडख़ानी करने सहित गांव में पेयजल की किल्लत जेसी समस्याओं को विधायक समक्ष उठाया। गांव नेर पुआब के लिए सड़क निर्माण की स्थानीय जनता द्वारा विधायक के समक्ष मांग की गई, जिस पर विधायक अवस्थी ने जमीन के कागजात पूरे होने पर सड़क निर्माण को पूरा करने का पूर्ण आश्वासन दिया गया। विधायक अवस्थी ने स्थानीय जन समस्याओं को सुना और बहुत सी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया। कुश्ती प्रतियोगिता में बड़ी माली में अमित चंडीगढ़ ने बबलू दिल्ली को पटकनी दी। छोटी माली का खिताब दीपक हमीरपुर के नाम रहा। उसने आनंदपुर साहिब के पहलवान रिंकू को पटकनी दी। पहलवानों ने करीब 6 घंटे तक अखाड़े में अपने जौहर का प्रदर्शन किया। मुख्यातिथि ने विजेता पहलवानों को मेला कमेटी की ओर से घोषित पुरस्कार दिए। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी, बीडीसी के पूर्व उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर, अर्की यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत वर्मा, पूर्व उपप्रधान दाड़ला राजेश गुप्ता, ऋषि देव शर्मा, प्रेम केशव, मेला कमेटी के प्रधान जुल्फी राम ठाकुर, प्रधान पारनु केशव राम, पूर्व प्रधान विद्या सागर ठाकुर, बसंत राम ठाकुर, बाबू राम, हीरा लाल, जीत राम, ललित, सुरेश, श्याम लाल राठौर, मनीराम, भीम दत्त वर्मा, हेमराज शर्मा, ललित आदि मौजूद रहे।
जयसिंहपुर विधानसभा के चुनाव नजदीक आते ही जयसिंहपुर विधानसभा में भी राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हंै। जयसिंहपुर क्षेत्र से हर जगह से उमीदवारों ने अपनी दावेदारी जतानी शुरु कर दी है। इस सीट पर हमेशा ही कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला रहा है। तीसरे विकल्प की और आज तक यहा राह नहीं बढ़ी है। पर इस बार आम आदमी पार्टी सक्रिय हो चुकी है। भाजपा में मौजूदा समय में रविंद्र रवि धीमान विधायक है जो कि लगातार जन संपर्क अभियांन में जुटे हुए है और रविंद्र धीमान के समय में जयसिंहपुर क्षेत्र में विकास ने भी रफ़्तार पकड़ी है । भाजपा की तरफ से पुलिस वाले भी इस बार चुनाव में टिकट को लेकर चुनाव में उतरने की तैयारियों में लगे हंै, जोकि टिकट को लेकर हिमाचल, दिल्ली, चंडीगढ़ में मेल मिलाप शुरू हो गया है। वहीं कांग्रेस की बात करे तो यहां पूर्व विधायक यादविंद्र गोमा भी लगातार जनसंपर्क अभियांन में जुटे हैं तो दूसरी और सुशील कोल, एडवोकेट पीसी कौंडल व ओम प्रकाश अध्यापक भी कांग्रेस की टिकट के दावेदारी जता रहे हैं। जयसिंहपुर विधानसभा में इस बार आम आदमी पार्टी भी इस बार भाजपा और कांग्रेस को टक्कर देने के लिए दावा कर रही हैं पर आप में आधा दर्जन के करीब लोग टिकट की दावेदारी जता रहे हंै। आम आदमी पार्टी के मंडल अध्यक्ष विक्रम कोंडल, सतीश कुमार, भाजपा को छोड़ कर आप में शामिल हुए प्रभात कोंडल, मंडल महामंत्री लकीपुरी, एडवोकेट सुरेश डोगरा के साथ अन्य लोगों ने भी आप की टिकट को लेकर दावेदारी पेश की। मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां बात रही हैं कि भाजपा और कांग्रेस तो आमने-सामने होगी लेकिन आम आदमी पार्टी की भूमिका को भी नहीं नकारा जा सकता।
पर्यटक समेत पैरग्लाइडर पायलेट की मौत होने का समाचार मिला है। यह हादसा कुल्लू की डोभी पैराग्लाइडिंग साइट पर बुधवार को हुआ है। इसमें एक पर्यटक और पायलेट की मौत हो गई है। इन दोनों को हादसे के बाद गंभीर हालत में कुल्लू अस्पताल ले जाया गया, मगर जख्मों का ताव न सहते हुए दोनों ने दम तोड़ दिया।
धीरा। अटियाला दाई में बुधवार को स्थानीय युवाओं ने छबील लगाई। इस दौरान युवाओं ने सड़क पर जा रहे राहगीरों को शीतल पानी पिलाया। इस सेवा के कार्य में सभी गांववसियों ने संपूर्ण योगदान दिया। इस दौरान रजत कुमार, विक्की, सुनिल कुमार, विशाल, शुभम व अबू आदि मौजूद रहे।
धीरा। सिहोटू के वार्ड नंबर-1 में बलोटी पुल के पास स्थानीय युवाओं ने छबील लगाई। इस दौरान सड़क पर जा रहे राहगीरों और वाहन चालकों को ठंडा पानी पिलाया गया। इस सेवा के कार्य में सभी गांववसियों ने संपूर्ण सहयोग दिया। इस दौरान पूर्व उप प्रधान त्रिलोक चंद, विनोद कुमार, अशोक कुमार, प्रवीन कुमार, अजय कुमार, अमित कुमार, रोहित कुमार, महिला मंडल सचिव सुमना देवी, ममता देवी, मीना देवी, लता देवी, रेणुवाला, शकुंतला देवी, मोहनी देवी, कांता देवी, सुनिता देवी, पायल देवी, अनिता देवी, मीना देवी, पल्लवी, स्नेहा, आरुषी, कार्तिक व बृत्ति आदि माजूद रहे।
जयसिंहपुर उपमंडल के तहत लाहट की दीपांशी अवस्थी ने एमएससी कॉम्युटेशनल बॉयोलॉजी एंड बायोइंफार्मेटिक में गोल्ड मेडल हासिल कर के खैरा का नाम रोशन किया है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी शाहपुर से हाल ही में सम्पन्न हुए यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में दीपांशी ने यह गौरव हासिल किया है। दीपांशी ने न केवल अपने माता-पिता अपितु पूरे उपमंडल का नाम रोशन किया है। दीपांशी ने जमा दो तक की शिक्षा क्रिसेंट पब्लिक स्कूल बनूरी से की। वर्तमान में दीपांशी अब मोहाली से पीएचडी कर रही है। दीपांशी ने इसका श्रेय अपने दादा स्व. वैद्य अमर नाथ, दादी स्वर्गीय सुशीला देवी के अशीष एवं माता मधु तथा मनोज अवस्थी सहित अध्यापक वर्ग को दिया।
हिमाचल प्रदेश संस्कृत भारती न्यास द्वारा दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 10 जून से 21 जून तक हो रहा है। यह आयोजन ठाकुर राम सिंह स्मृति न्यास, टिक्कर हमीरपुर में हो रहा है। इस दौरान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा वन्दना योगी मुख्यातिथि रहीं। उन्होंने महिला वर्ग की तुलना दुर्गा शक्ति के साथ की। वहीं उन्होंने इस दौरान संस्कृत भाषा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संस्कृत भारती संघटन के उत्तर क्षेत्रीय संघटन मंत्री नरेन्द्र ने कहा कि संस्कृत भारती संघटन केवल भारत में ही नहीं अपितु 28 देशों में कार्य कर रहा है। भारत में अनेक ग्राम संस्कृत ग्राम हैं। हिमाचल प्रदेश की द्वितीय राजभाषा भी संस्कृत है। अत: हमें और भी उत्साह के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। प्रशिक्षण वर्ग में समग्र हिमाचल के 70 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। यह सभी प्रशिक्षणार्थी जनवरी माह में आयोजित प्रथमस्तरीय प्रशिक्षण स्तर को पूर्ण करके ही यहां द्वितीय स्तर का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वर्ग के समापन के पश्चात संस्कृत भारती की योजना के अनुसार सभी जिलों में विविध गांवों में लोगों को संस्कृत भाषा सिखाएंगे। इस आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में संस्कृत संभाषण शिबिर का प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं। इस वर्ग में संस्कृत भारती संघटन के केन्द्र व प्रांत के विभिन्न शिक्षक सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता संस्कृत महाविद्यालय चकमोह के प्राचार्य आचार्य वीरेन्द्र कुमार ने की तथा कार्यक्रम का संचालन दिशान्त कुमार व अतिथि परिचय एवं स्वागत हमीरपुर जनपद के संयोजक नीरज कुमार ने किया। प्रस्तावित भाषण वर्ग के मुख्य शिक्षक केवल कुमार भी मौजूद रहे। वर्ग के वर्गाधिकारी संस्कृतभारती हिमाचल प्रान्त के प्रांत शिक्षण प्रमुख डॉ. मुकेश कुमार हैं। इस अवसर पर समाजसेवी मुंशी राम, योग के प्रति समर्पित प्रदीप योगी, अशोक व अन्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रदीप शर्मा ने सभी का धन्यवाद किया।
48 करोड़ से बांगरन डबल लेन पुल तथा 37 करोड़ से पांवटा-डाकपत्थर रोड का होगा जीर्णोद्धार भंगाणी में 20 लाख की लागत से निर्मित होने वाले ग्राउंड का किया शिलान्यास गगन शर्मा। पांवटा साहिब बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश, सुख राम चौधरी ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, भंगाणी में 20 लाख की लागत से निर्मित होने वाले खेल मैदान का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने भंगानी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पुराने भवन की जगह नया भवन तैयार करवाने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, भंगाणी में साइंस लैब के लिए एक करोड़ की राशि स्वीकृत करवाने की भी घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्मशानघाट के लिए बनाए जा रहे रस्ते के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। ऊर्जा मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी के बावजूद भी प्रदेश में विकास की गति को रुकने नहीं दिया। प्रदेश में केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, जिनके माध्यम से हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र के लिए नाबार्ड के तहत 80 करोड़ की राशि प्रदान की जाती थी, जिसमें से पांवटा विधानसभा क्षेत्र में केवल 10 करोड़ की योजनाएं ही स्वीकृत हो पाई। वहीं, वर्तमान प्रदेश सरकार के इस कार्यकाल में यह राशि बढ़ाकर 135 करोड़ कर दी गई है, जिसमें से अभी तक 80 करोड़ की योजनाएं उनके द्वारा पांवटा विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत करवा दी गई हैं तथा सात अन्य योजनाएं स्वीकृति हेतु भेजी गई हैं, जिनकी स्वीकृति उपरांत नाबार्ड की राशि में से लगभग 133 करोड़ की योजनाएं पांवटा विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि बकाया राशि की योजनाएं भी स्वीकृति हेतु तैयार कर दी गई हैं, जिसे जल्द ही स्वीकृति हेतु भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गिरी नदी पर 48 करोड़ की लागत से बांगरन डबल लेन पुल का निर्माण कार्य किया जाएगा तथा 37 करोड़ से पांवटा-डाकपत्थर रोड का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इनके लिए मामला सीआरआईअफ को स्वीकृति हेतु भेजा गया है। स्वीकृति प्राप्त होते ही जल्द इन कार्यों को आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांवटा विधानसभा क्षेत्र में अधिकांश कृषि भूमि है इसलिए यहां अधिक से अधिक सिंचाई ट्यूबवेल की आवश्यकता है। इसके मद्देनजर विभाग के साथ मिलकर नियम बनाए जा रहे हैं, ताकि सिंचाई हेतु 30 बीघा भूमि के लिए ट्यूबवेल स्वीकृत करवाया जा सके तथा जहां यह ट्यूबवेल स्थापित होगा उसके साथ लगती 30 बीघा भूमि को इस ट्यूबवेल के माध्यम से सिंचित किया जाएगा तथा इसके एवज में भू मालिक प्रति घंटे के हिसाब राशि जमा करवाएंगे। इस अवसर पर उपाध्यक्ष जिला परिषद अंजना शर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, पंचायत समिति सदस्य प्रीति देवी, प्रधान भगानी हरजिंदर कौर, उप प्रधान सुरजीत, पूर्व जिला परिषद सदस्य अजय मेहता, राहुल चौधरी, अध्यक्ष एससी मोर्चा राजेश, प्रधानाचार्य जीएसएसएस भगानी रामपाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग केएल चौधरी, खंड विकास अधिकारी रवि प्रकाश जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
अजय सूर्या। रिवालसर राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिवालसर में चल रही तीन दिवसीय अंडर-14 लड़कों की खेल प्रतियोगिता का समापन स्थानीय स्कूल के एसएमसी के प्रधान कमलेश शर्मा के द्वारा संपन्न किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने बच्चों संदेश देते हुए कहा कि बच्चे फोन की खेलों से दूर रहकर शारीरिक खेलें जो हमारे शरीर को स्वस्थ बनाएं रखती हैं। मुख्यातिथि का स्वागत स्कूल के प्रधानाचार्य दयाराम ठाकुर ने टोपी व स्मृति चिन्ह देकर किया। इस खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में खेल शिक्षा खंड रिवालसर के तहत 12 वरिष्ठ माध्यमिक व 6 उच्च माध्यमिक स्कूलों के करीब 298 छात्र खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता मे भाग लिया। जिसमें कब्बडी प्रतियोगिता में यूनिटी पब्लिक स्कूल रिवालसर ने प्रथम व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिवालसर ने दूसरे स्थान। बॉलीबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दसेहड़ा ने प्रथम व राजकीय उच्च विद्यालय लेदा दूसरे स्थान पर रहा। खो-खो में स्कूल कोठी गैहरी प्रथम व दसेहड़ा स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। बैडविंटन मे त्रिसंगम स्कूल ने प्रथम व छज्जवान खाबू दूसरे स्थान पर रहा। योगा में सिध्यानी ने प्रथम व गुरकोठा दूसरे स्थान पर रहा। चेस में क्रिश छज्जवान खाबू, शौर्य दसेहड़ा, मनीष शर्मा सिध्यानी व पीयूष रिवालसर व ध्रुब सिध्यानी स्कूल के छात्र विजयी रहे। इसके साथ दसेहड़ा स्कूल ने सबसे ज्यादा जीत हसील कर ऑल राउंडर की ट्रॉफी भी अपने नाम कर ली। मुख्यातिथि ने सभी विजेता टीमों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे बच्चों को मोबाइल खेलो को छोड़ कर रियल गेम्स खेलने को कहा और कहा कि खेलों में दो ही नतीजे होते हैं जीत या हार। जो हारे हैं उन्हें अगली बार और कड़ी मेहनत करनी होगी। क्याेंकि मेहनत का फल मीठा होता है। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष रीता देवी, बीडीसी सदस्य मीना देवी, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष मोनिका ठाकुर, महिला मंडल धार प्रधान विमला शर्मा, महिला मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य निशा, ग्राम पंचायत प्रधान सरध्वार पवन ठाकुर, डिवेलपमेंट एक्शन ग्रुप एमडी नरेश शर्मा व अध्यक्ष अजय शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा महामंत्री किरण शर्मा व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा सैन्य बलों में युवाओं की भर्ती के लिए अग्निपथ योजना को स्वीकृति प्रदान करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ एक दूरदर्शी योजना है, जो देश की सेवा तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए युवाओं को एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरभूमि के नाम से जाना जाता है तथा प्रदेश के सपूत सैन्य बलों में अपनी बहुमूल्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। यह योजना देश तथा प्रदेश के युवाओं को सैन्य बलों में सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। योजना के तहत इस वर्ष 46000 अग्निवीर भर्ती किए जाएंगे, जिससे रोज़गार अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत देश में बाहरी व आंतरिक खतरों तथा प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता को बढ़ाकर राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ किया जाएगा। इससे सैन्य बलों में नई युवा ऊर्जा समाहित होगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि योजना के तहत अग्निवीरों को पहले वर्ष 30,000 रुपए, दूसरे वर्ष 33000 रुपए, तीसरे वर्ष 36500 तथा चौथे वर्ष 40000 रुपए का आकर्षक अनुकूलित मासिक पैकेज प्रदान किया जाएगा। चार वर्ष की कार्य अवधि के पूर्ण होने पर अग्निवीरों को 11.71 लाख रुपए की एकमुश्त सेवा निधि पैकेज का भुगतान किया जाएगा, जिससे उन्हें बिना किसी आर्थिक दबाव के अपने भविष्य के सपनों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। योजना के तहत अग्निवीरों को सर्वोत्तम संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा कौशल व योग्यता बढ़ाने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश के लिए सेवाएं प्रदान करने के उपरांत अग्निवीरों को पर्याप्त पुनः रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा वे युवाओं के लिए रोल मॉडल बनकर उभरेंगे।
रोड शो को लेकर आम जनमानस में खासा उत्साह पंकज सिंगता। धर्मशाला प्रधानमंत्री के धर्मशाला के प्रस्तावित प्रवास के दौरान रोड शो के माध्यम से भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए आम जनमानस भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह उद्गार विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने रोड शो की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 16 तथा 17 जून को प्रवास प्रस्तावित है तथा हिमाचल के लिए यह गर्व के क्षण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात्रि ठहराव भी धर्मशाला में करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मशाला में इन्वेस्टर मीट तथा मंडी में राज्य सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रवास किया था। इसके साथ ही हाल ही में शिमला में केंद्र सरकार के आठ वर्षों के कार्यकाल पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है।विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धर्मशाला प्रवास के दौरान भी रोड शो के माध्यम से भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि रोड शो के लिए विभिन्न कमेटियां भी गठित की गई हैं तथा धर्मशाला तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में पीएम के स्वागत के लिए लोगों को निमंत्रण भी दिया गया है। इस अवसर पर सांसद किशन कपूर, विधायक विशाल नैहरिया, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, सचिव विशाल चौहान, ज़िला भाजपा अध्यक्ष चंद्र भूषण नाग, मुख्यमंत्री के मीडिया कॉर्डिनेटर विश्व चक्षु सहित विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित थे।


















































